
आवश्यक निर्युक्ति की कथाएं (भाग-१)
डॉ. समणी कुसुमप्रज्ञा


© जैन विश्व भारती, लाडनूं
मानव मन को रंजित/पुलकित करने के लिए बातों को जिस विधा में कहा गया, साहित्य के क्षेत्र में वह विधा कथा कहलाई। संभव है लिपिबद्ध करने से पूर्व इन्हें कहा जाता होगा, इसलिए इसका नाम कथा पड़ गया। घटित घटना में भी जब कल्पना की सृष्टि हो जाती है, तब कथा बन जाती है। कथा आकार में लघु होकर भी मानवीय संवेदना की उत्कटता को प्रकट करती है।
लिखित कथा—परम्परा की उद्गम भूमि भारत रही है। इसलिए सम्पूर्ण संसार के कथा-साहित्य को भारत ने विशेष प्रेरणा दी है। पिछले कुछ वर्षों में विद्वानों ने लोक कथाओं का अध्ययन किया तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि सुदूर देशों में प्रचलित लोक कथाएं आपस में अत्यन्त साम्य रखती हैं। कथा का सबसे प्राचीन नाम आख्यान मिलता है, इसका प्रारम्भ संस्कृत भाषा में हुआ। ऋग्वेद संसार का प्राचीनतम ग्रन्थ है, जिसमें पुरुरवा-उर्वशी, यम-यमी आदि के अनेक शिक्षाप्रद आख्यान हैं किन्तु वे प्राय: अतिमानवीय हैं। भागवत में कथा के लिए 'वार्ता' शब्द का प्रयोग हुआ है। बौद्धों में जातक कथाएं प्रसिद्ध हैं, जिसमें भगवान बुद्ध के पूर्वजन्म से सम्बन्धित कथाओं का समावेश है। जैन-साहित्य में कथा द्वारा किसी बात को समझाने की पद्धति बहुत पुरानी है।
अनुयोग के चार भेदों में एक भेद धर्मकथानुयोग है, जिसमें कथा के माध्यम से तत्त्वज्ञान कराया जाता है। स्थानांग सूत्र के चौथे स्थान में संकेत रूप में अनेक कथाएं हैं। ज्ञाताधर्मकथा, विपाकश्रुत, अंतकृद्दशा आदि आगम ग्रन्थ तो कथात्मक ही हैं। इनमें अनेक रोचक कथाओं द्वारा श्रमणचर्या एवं कर्म-विपाक का बोध कराया गया है। किसी भी विषय की स्पष्टता के लिए निर्युक्तिकार ने बहुलता से कथाओं का प्रयोग किया है। निर्युक्तिकार ने प्राय: कथा का संकेत करते हुए व्यक्ति एवं स्थान के नामों का उल्लेख किया है। उन कथाओं का विस्तार चूर्णि एवं टीका साहित्य में मिलता है। स्थानांग और निशीथ आदि ग्रन्थों में प्रकीर्णक रूप से कथा के भेद-प्रभेद मिलते हैं किन्तु निर्युक्तिकार ने कथाओं का व्यवस्थित निरूपण किया है। दशवैकालिक निर्युक्ति में करीब २६ गाथाओं में कथा, कथा के भेद, कथा का प्रयोजन आदि का विवैचन किया गया है। कथा-साहित्य की लोकप्रियता इसी बात पर आधारित है कि इसमें सुगमता से जीवन्त सत्यों को उकेर दिया जाता है।
कथा का स्वरूप
कथा शब्द संस्कृत की कथ् धातु से बना है। कथा के स्वरूप को प्रकट करते हुए जिनसेन ने कहा है कि पुरुषार्थ के लिए उपय्रोगी तथा धर्म अर्थ और काम का कथन करने वाली रचना कथा कहलाती है। निर्युक्तिकार के अभिमत से तप और संयम के धारक व्यक्ति चारित्र को वृद्धि एवं जगहित के लिए सद्भावपूर्वक जो निरूपण करते हैं, वह कथा कहलाती है। अमर कोष के अनुसार प्रबन्ध-कल्पना कथा कहलाती है। साहित्य दर्पण में कथा के स्वरूप को व्यक्त करते हुए कहा गया है कि कथा की सरसता गद्य रूप में प्रकट होती है। इसमें कहीं-कहीं आर्या अथवा वक्त्र या अपवक्त्र, छन्दों का प्रयोग होता है। इसके अतिरिक्त भामह, दंडी, रुद्रट् एवं अग्निपुराणकार आदि विद्वानों ने भी इसके स्वरूप का विश्लेषण किया है। भामह ने काव्य के पांच भेदों में कथा को स्वीकृत किया है। उनके अभिमत से संस्कृत, प्राकृत और अपभ्रंश की उस रचना को कथा कहते हैं, जिसमें वक्त्र, अपवक्त्र, छन्द और उच्छ्वास न हो। उनके अनुसार कथा आर्या छन्द मे ही लिखी जाती है, किन्तु यह बात तर्क संगत नहीं लगती क्योंकि किसी भी साहित्यिक विधा को मात्र एक छन्द में बद्ध कर देना उसके सहज प्रसन्न विकास को अवरुद्ध करना है। निर्युक्तिकार ने कथा के लिए अन्य छन्दों का भी सम्यक् प्रयोग किया है।
आधुनिक भारतीय एवं पाश्चात्य विद्वानों ने भी इसके स्वरूप के बारे में पर्यास चिन्तन किया है। प्रसिद्ध साहित्यकार जैनेन्द्र जी के शब्दों में हमारे अपने सवाल होते हैं, शंकाएं होती हैं, चिन्ताएं होती हैं और हमीं उनका उत्तर, उनका समाधान खोजने का सतत प्रयत्न करते हैं। कहानी उस खोज के प्रयत्न का एक उदाहरण है। हडसन के अभिमत से कथा चरित्र व्यक्तीकरण का अच्छा साधन है। फार्स्टर के विचार से कथा परस्पर सम्बद्ध घटनाओं का वह क्रम है, जो किसी परिणाम तक पहुंचा देता है। ई एम फोर्स्टर ने लिखा है कि कथा समय की श्रृंखला में बंधा हुआ घटनाओं का पूर्वापर विवरण है। एडविन म्योर कथा के बारे में लिखते हैं कि गद्य काव्य की सबसे सरल विधा कथा है, जो घटनाओं को अद्भुत ढंग से ब्यौरेवार रिकॉर्ड करती है। प्रसिद्ध कथाकार प्रेमचन्द के अभिमत से कथा एक ऐसी रचना है, जिसमें जीवन के किसी एक अंग या मनोभाव को प्रदर्शित करना ही लेखक का उद्देश्य रहता है।
निष्कर्षत: कथा वह रचना है, जो जीवन की किसी एक समस्या का समाधान स्वाभाविक रूप से संवेदनात्मक शैली में प्रस्तुत करती है। सामाजिक व्यवस्था और मानसिक दुर्बलता पर जितना प्रभावी प्रहार कथा द्वारा संभव है, उतना किसी अन्य विधा द्वारा सम्भव नहीं। आकार में छोटी होने के कारण इसका प्रभाव अपनी संकीर्ण सीमा में भी स्थायी होता है। वस्तुत: कथा का कथ्य एक बीता हुआ सत्य होता है, जिससे व्यक्ति शीघ्र प्रेरणा प्रात कर सकता है। भागवत में कथा को अमृत कहा गया है, जो संतप्त जीवन के दु:खों को दूर करने वाला है।
प्राचीन एवं अर्वाचीन कथा-साहित्य में अन्तर
प्राचीन कथा केवल सुनने-सुनाने के लिए होती थी किन्तु आधुनिक कथा-साहित्य केवल पाठ्य होता है, उसमें सुनाने के तत्त्व बहुत कम होते हैं। प्राचीन कथाओं में एक कथा के अन्तर्गत अनेक कथाओं का समावेश हो जाता था। प्रत्येक उपकथा अपना स्वतंत्र अस्तित्व रखते हुए भी मूल कथा से सम्बद्ध रहती थी किन्तु आज एक ही समस्या को कम से कम पात्रों द्वारा छुआ जाता है, अनेक घटनाओं का संयोजन उसमें नहीं होता।
प्राचीन कथा में चाहे वह भारत की हो या किसी अन्य देश की, उसमें राजा, रानी, राजकुमारी तथा अज्ञात लोक का अवतरण सहज रूप से हो जाता था किन्तु आज कथा वास्तविकता के ठोस धरातल पर चलती है। अलौकिकता केवल श्रद्धा या विश्वास के आधार पर ही टिक सकती है। वेदों एवं उपनिषदों में हर बात को अलौकिक कथाओं के माध्यम से समझाया गया है। आज अलौकिक या दैवी शक्तियों का सहारा न लेकर यथार्थ एवं घटित घटना के आधार पर ही आदर्श को निरूपित किया जाता है।
आधुनिक कथा के पात्र यथार्थवाद पर अधिक अवलम्बित हैं किन्तु प्राचीन पात्रों का चरित्र अर्थवाद से प्रभावित है। प्राचीन कथाएं कौतूहल प्रधान, रहस्यमयी तथा साहसिक अधिक होती थीं किन्तु आज कथा के माध्यम से यथार्थता के साथ सामाजिक, वैयक्तिक समस्याओं पर प्रहार व व्यंग्य किया जाता है। इसलिए अर्वाचीन कथाएं मनोविश्लेषण प्रधान तथा प्रतीकात्मकअधिक होती हैं। आधुनिक कथाएं मानसिक व्यथा, सामाजिक एवं पारिवारिक विघटन तथा समसामयिक समस्याओं से सम्बन्धित होती हैं, जिनका क्षणिक मूल्य है, जबकि प्राचीन कथा साहित्य शाश्वत तत्त्वों पर आधारित है अत: उनका त्रैकालिक महत्त्व है। काल का लम्बा अंतराल भी उनकी महत्ता को कम नहीं कर सका, वे आज भी पाठक को नवीन व सरस लगती हैं। आज की कथावस्तु में यथार्थता का समावेश होते हुए भी आदर्श की भूमिका पर ले जाने वाले पात्रों का नितान्त अभाव है। इसलिए व्यक्तित्व-निर्माण की दृष्टि से वे स्थायी प्रभावी नहीं हो सकतीं।
जैन प्राकृत कथाएं
जैन प्राकृत कथा साहित्य इतना विपुल मात्रा में लिखा गया है कि उसका संकलन अनेक खण्डों में किया जा सकता है। इन कथाओं से प्रभावित होकर हर्टले ने लिखा है कि कथा कहने की कला की विशिष्टता जैन कथाओं में पाई जाती है। ये कथाएं भारत के विभिन्न वर्ग के लोगों के रस्म-रिवाज को पूर्ण सच्चाई के साथ अभिव्यक्त करती हैं। ये जनसाधारण की शिक्षा का उद्गम-स्थान ही नहीं अपितु भारतीय सभ्यता का इतिहास भी प्रस्तुत करती है।
विंटरनित्स ने इनकी महत्ता व्यक्त करते हुए कहा कि जैनों का कथा-साहित्य विशाल है। जन साधारण के जीवन की झांकी इनमें मिलती है। इनका वर्ण्य विषय विभिन्न वर्गों के वास्तविक जीवन का चित्र जनता के समक्ष उपस्थित करता है। इनमें केवल राजा-रानी या पुरोहित का जीवन ही नहीं अपितु साधारण व्यक्तियों का चरित्र भी उपस्थित किया गया है।
डॉ. हजारी प्रसाद द्विवेदी भी जैन प्राकृत कथाओं से प्रभावित हैं। उनका मानना है कि ये प्राकृत कथाएं जैन संस्कृति के मूल-तत्त्वों को अनावृत करते हुए एक ऐसी प्राचीन परम्परा की ओर संकेत करती हैं, जो कई युगों से भारतीय जीवन को प्रभावित कर रही हैं। इन प्राकृत कथाओं में निर्युक्ति कथाओं का भी अपना विशेष महत्त्व है। इन कथाओं में विभिन्न धर्म, सम्प्रदाय, समाज, सिद्धान्त, आदर्श, शिक्षा, संस्कार एवं रीति-रिवाज आदि का वर्णन है। विंटरनित्स के शब्दों में जैन व्याख्या ग्रन्थों में भारतीय प्राचीन कथा-साहित्य के अनेक उज्ज्वल रत्न विद्यमान हैं, जो अन्यत्र उपलब्ध नहीं होते।
आगमिक एवं निर्युक्ति-कथाओं में भेद
निर्युक्तिकार ने आगम-कालीन कथाओं की शैली में एक नया मोड़ दिया है। पात्र, विषय, वातावरण और उद्देश्य इन सभी दृष्टियों से निर्युक्ति कथाएं आगम कथाओं से भिन्न हैं। आगमों में किसी नगरी, राजा और रानी का वर्णन इतना लम्बा कर दिया है कि मूल कथा की सरसता समाप्त हो जाती है। आगमिक शैली पुनरुक्ति प्रधान है किन्तु निर्युक्तिकार ने कथाओं में संक्षिप्त शैली को अपनाया है। निर्युक्तिकार स्वयं लिखते हैं कि अति विस्तार के कारण कथा का मूल उद्देश्य एवं सरसता नष्ट हो जाती है। इसके अतिरिक्त आगमिक कथाओं में प्राय: एकरूपता है किन्तु निर्युक्ति साहित्य की कथाओं में नवीनता और विविधता है। आगमिक कथाओं में निर्युक्ति कथा की भांति लोक कथाओं का समावेश नहीं के बराबर है। कथा के अंत में उद्देश्य भी साधु संस्था के साथ जोड़ दिया है जिससे उनका दायरा सीमित हो गया है।
कथाओं के प्रकार
भारतीय मनीषियों ने भिन्न-भिन्न दृष्टि से कथाओं के भेद किए हैं। स्थानांग सूत्र में कथा के तीन भेद प्राप्त हैं—
१. अर्थकथा २. धर्मकथा ३. कामकथा।
निर्युक्तिकार ने वर्ण्य विषय के आधार पर कथा के चार भेद किए हैं—
१. अर्थकथा २. कामकथा ३. धर्मकथा ४. मिश्रकथा।
उद्योतनसूरि ने धर्मकथा का स्थान प्रथम रखा है। समराइच्चकहा तथा जंबूचरित्र आदि कुछ ग्रन्थों में मिश्रकथा के स्थान पर संकीर्ण कथा का नामोल्लेख मिलता है। पात्र की अपेक्षा से लीलावईकहा में कथा के तीन भेद किए हैं—१. दिव्यकथा, २. मानुषकथा ३. दिव्यमानुषकथा। शैली को अपेक्षा से कथा के पांच भेद प्राप्त हैं—१. सकलकथा, २. खंडकथा, ३. उल्लापकथा, ४.परिहासकथा, ५. संकीर्णकथा। वसुदेवहिंडी में कथानक के आधार पर कथा के दो भेद प्रास हैं—१. चरित, २. कल्पित। धर्म, अर्थ और काम सम्बन्धी कार्यों से सम्बद्ध, दृष्ट, श्रुत तथा अनुभूत वस्तु का कथन करना चरित कथा है तथा पूर्व घटित घटना का अपनी बुद्धि तथा कल्पना के द्वारा कथन करना कल्पित कथा है। अग्नि पुराण में गद्यकाव्य के पांच भेद किए गए हैं—१. आख्यायिका, २. कथा, ३. खंडकथा, ४. परिकथा और ५. कथानिका।
काव्य शास्त्रों में भी कथा के स्वरूप एवं भेदों के बारे में पर्याप्त विवेचन हुआ है। काव्यानुशासन में हेमचन्द्र ने कथा के बारह भेद किए हैं साहित्य दर्पण में भी कुछ शाब्दिक अंतर के सांथ कथा के दस भेदों का उल्लेख मिलता है।
बुद्ध ने दस पारमिताएं बताई हैं। उन पारमिताओं के आधार पर ही कथाओं का विभाजन हुआ है। वे इस प्रकार हैं—दान, शील, निष्क्रमण, प्रज्ञा,वीर्य, क्षांति, सत्य, अधिष्ठान, मैत्री, उपेक्षा।
कथाकार के आधार पर भी निर्युक्तिकार ने कथा के तीन भेद किए हैं—१. कथा, २. अकथा, ३. विकथा। अज्ञानी की कथा अकथा, संयमी और तपस्वी की जगहित के लिए कही जाने वाली वार्ता कथा तथा प्रमाद और राग-द्वेष के वशीभूत होकर कही जाने वाली कथा विकथा है। आधुनिक कथाकारों ने मुख्य रूप से कहानी के चार भेद किए हैं—१. घटना प्रधान, २. चरित्र प्रधान, ३. वातावरण प्रधान, ४. भाव प्रधान।
इसके अतिरिक्त पात्रप्रधान, विचारप्रधान, नीतिप्रधान, साहसप्रधान, कल्पनाप्रधान, हास्यप्रधान, संस्कृतिप्रधान एवं सिद्धान्तप्रधान आदि अनेक भेद और भी किए गए हैं।
१. घटना-प्रधान कथा
घटना-प्रधान कथा में अनेक घटनाओं को एक सूत्र में पिरोते हुए कथानक आगे बढ़ता है। इसके अन्तर्गत ऐतिहासिक कथाएं आती हैं क्योंकि उनमें घटनाओं की मुख्यता होती है। निर्युक्ति-कथाओं में अनेक कथाएं घटना प्रधान हैं, जैसे—आर्यरक्षित, आर्यवज्र, कृतपुण्य आदि।
२. चरित्र-प्रधान कथा
कथा के पात्रों का चरित्र निरूपण इसका मुख्य उद्देश्य है। इसमें पात्रों के चरित्र की विभिन्न सूक्ष्मताओं का विश्लेषण किया जाता है, जैसे—अभयकुमार, रोहक से सम्बन्धित कथाएं आदि।
३. वातावरण-प्रधान कथा
वातावरण-प्रधान कथाओं में तत्कालीन देश-काल, वातावरण, परिस्थितियां, पात्र आदि का विस्तृत वर्णन होता है तथा प्रसंगवश सभ्यता एवं संस्कृति का ज्ञान भी कराया जाता है। निर्युक्ति की शैली संक्षिप्त होने के कारण इसमें वर्णन अथवा वातावरण-प्रधान कथाओं की कमी है। फिर भी कुछ कथाओं को इसके अन्तर्गत रखा जा सकता है, जैसे साप्तपदिक, समुद्रपाल आदि।
४. भाव-प्रधान कथा
भावप्रधान कथाओं में मनोभावों के विश्लेषण पर ध्यान दिया जाता है। मन के उतार-चढाव, अन्तर्द्वन्द्व तथा संवेगों का चित्रण किया जाता है। ये कलेवर की दृष्टि से संक्षिप्त किन्तु वैचारिक स्तर पर समृद्ध होती हैं। संक्षिप्त शैली होने के कारण निर्युक्ति साहित्य में ऐसी कथाएं कम हैं।
अर्थकथा
मानव की अर्थोपार्जन सम्बन्धी समस्याओं एवं समाधान से सम्बन्धित कथा अर्थकथा कहलाती है। निर्युक्तिकार के अनुसार जिसमें विद्या ( अर्थोपार्जन) की कला, शिल्प, उपाय, अनिर्वेद, संचय, दक्षता, साम, दाम, दण्ड और भेद का वर्णन हो, वह अर्थकथा कहलाती है। टीकाकार हरिभद्र ने अपनी व्याख्या में इन सबको स्पष्ट करने के लिए एक-एक कथा का उदाहरण दिया है।
समराइच्वकहा में अर्थकथा का स्वरूप प्रस्तुत करते हुए कहा गया है कि असि, मसि, कृषि, सेवा, शिल्प, वाणिज्य और धातुवाद आदि अर्थोपलब्धि के साधनों का वर्णन करने वाली अर्थकथा कहलाती है। इसके अन्तर्गत राजनैतिक कथाओं का समावेश भी हो जाता है क्योंकि साम, दाम, दण्ड, भेद आदि राजनीति से सम्बन्धित हैं। अर्थकथा को स्पष्ट करने के लिए निर्युक्तिकार ने दशवैकालिक निर्युक्ति में राजपुत्र, अमात्यपुत्र आदि चार मित्रों के रोचक कथानक को प्रस्तुत किया है। अर्थकथा में संग्रह के दोष तथा अपरिग्रह के महत्त्व का प्रतिपादन भी किया जाता है।
कामकथा
यौन प्रवृत्ति से सम्बन्धित कथा कामकथा है। कथाओं में कामकथा का भी विशिष्ट स्थान है। जनभोग्य एवं कथा को सरस बनाने के लिए जैनाचार्यों द्वारा भी ऐसी कथाएं प्रचुर मात्रा में लिखी गई हैं। निर्युक्तिकार के अनुसार जिस कथा में रूप-सौन्दर्य, यौवन, अवस्था, वेशभूषा, दाक्षिण्य, कलाओं की शिक्षा, दृष्ट-देखे हुए, श्रुत-सुने हुए, अनुभूत-अनुभव किए हुए का परिचय हो, वह कथा कामकथा कहलाती है। हरिभद्र ने समराइच्चकहा में इसका स्वरूप प्रकट करते हुए कहा है कि जो सांसारिक सुख-प्राप्ति विषयक हो, जिसमें धन, शरीर, आयु, कला तथा चातुर्य का वर्णन हो, प्रेम, रोमांच, आदर और मिलन को प्रमुखता हो, दूती-कार्य, प्रेमी-प्रेमिका के आपसी संदेशों के आदान-प्रदान, रमण तथा अनुवर्तन जैसे विषय जिसमें जुडे हों, उसे कामकथा कहा जाता है।
टीकाकार ने कामकथा के अन्तर्गत अनेक कथानकों का संकेत किया है निर्युक्तिसाहित्य में कामकथाओं का भी संकेत है किन्तु अंत में उदात्तीकरण द्वारा उनको धर्मकथा में परिवर्तित कर दिया है।
धर्मकथा
जैन आचार्यों ने धर्मकथा को सर्वोपरि स्थान दिया है। यद्यपि कामकथा में काम तथा अर्थकथा में अर्थ की प्रधानता रहती है किन्तु उनको लिखने का उद्देश्य भी धर्म-प्रासि और समाधि-प्राप्ति है इसलिए जैन आचार्यों ने इन दोनों कथाओं का सर्वथा निषेध नहीं किया, किन्तु इन दोनों में धर्मकथा के समावेश का निर्देश दिया है।
आचार्य हरिभद्र ने धर्मकथा के स्वरूप को स्पष्ट करते हुए लिखा है कि जिसमें क्षमा आदि दश धर्म, बारह व्रत, अनुकम्पा तथा अकाम निर्जरा के साधनों का उल्लेख होता है, वह धर्म-कथा कहलाती है। उद्योतनसूरि के अनुसार जीवों के नाना विभाव का निरूपण करने वाली कथा धर्मकथा है। जिनसेन ने इसे परिभाषित करते हुए कहा है कि जिसके आचरण से स्वर्ग आदि अभ्युदय तथा मोक्ष की प्रापि होती है, ऐसे धर्म से सम्बन्ध रखने वाली कथावस्तु धर्मकथा है।
निर्युक्तिकार ने धर्मकथा के चार भेदों का उल्लेख किया है—आक्षेपणी, विक्षेपणी, निर्वेदनी, संवेजनी। स्थानांग तथा धवला आदि ग्रन्थों में इन चारों को केवल कथा के भेदों के रूप में स्वीकृत किया गया है।
आक्षेपणी-कथा
निर्युक्तिकार के अनुसार जिसमें विद्या, चारित्र, तप, पुरुषार्थ, समिति और गुप्ति का सम्यक् उपदेश दिया जाता है, वह आक्षेपणी कथा है। कुवलयमाला में मन के अनुकूल लगने वाली कथा को आक्षेपणी कथा के रूप में स्वीकृत किया गया है। हरिभद्र ने इसको परिभाषित करते हुए कहा है कि प्रयत्नपूर्वक प्राणियों के मोह को दूर करने वाली आक्षेपणी कथा कहलाती है। महापुराण में स्वमत का संग्रह करने वाली आक्षेपणी कथा है। टीकाकार अभयदेव के अनुसार ज्ञान और चारित्र के प्रति आकर्षण पैदा करने वाली आक्षेपणी कथा है। दिगम्बर आचार्यों के मत से जो अनेक प्रकार की एकान्त दृष्टियों और दूसरे समयों का निराकरण पूर्वक शुद्धि करके छ: द्रव्यो और नौ पदार्थों का निरूपण करती है, वह आक्षेपणी कथा है। गोम्मटसार के अनुसार प्रथमानुयोग, करणानुयोग, चरणानुयोग और द्रव्यानुयोग आदि आगम, तत्त्व, तीर्थंकरों के वृत्तान्त, लोक-संस्थान, श्रावक धर्म, मुनि धर्म और पंचास्तिकाय आदि का कथा के माध्यम से इस प्रकार प्रतिपादन करना जिससे अन्यतीर्थिकों को आशंका न हो, वह आक्षेपणी कथा है। आक्षेपणी कथा के चार भेद प्रात है—
आचार-आक्षेपणी—जिसमें लोच, अस्नान आदि आचार का निरूपण हो।
व्यवहार-आक्षेपणी—जिसमें दोष को दूर करने के लिए प्रायश्चित्त का वर्णन हो।
प्रज्ञप्ति-आक्षेपणी—संशयग्रस्त श्रोता को मधुरवचनों से ज्ञान देने वाली।
दृष्टिवाद-आक्षेपणी—जिसमें श्रोता की योग्यता के अनुसार सूक्ष्मजीव आदि का तथा विविध नय और दृष्टियों का निरूपण हो।
इन नामों के चार शास्त्र भी मिलते हैं अत: वृत्तिकार ने अन्य मत को प्रस्तुत करते हुए कहा है कि ये चारों भेद आचारांग आदि शास्त्रों के वाचक हैं। डॉ. नेमीचन्दशास्त्री के अभिमत से आक्षेपणी कथा को आजकल की भाषा में प्रभावप्रधान कथा माना जा सकता है क्योंकि इनमें विशेष भाव या प्रभाव को मुख्य रूप से उजागर किया जाता है।
विक्षेपणी-कथा
दुर्मत का निग्रह करने वाली विक्षेपणी-कथा कहलाती है। कुवलयमाला में श्रोता के मन को प्रतिकूल लगने वाली कथा को विक्षेपणी-कथा कहा है। हरिभद्र के अनुसार श्रोता को सन्मार्ग से कुमार्ग में तथा कुमार्ग से सन्मार्ग में क्षिप्त करने वाली विक्षेपणी कथा है। धवलाकार के शब्दों में जिसमें पहले परमत के द्वारा स्वमत में दोष बतलाए जाते हैं बाद में परमत की आधारभूत अनेक एकांत दृष्टियों का शोधन करके स्वमत की स्थापना की जाती है तथा छह द्रव्यों और नौ पदार्थों का निरूपण किया जाता है, उसे विक्षेपणी-कथा कहते हैं गोम्मटसार के अनुसार प्रमाण, नय, तर्क, हेतु आदि से सर्वथा एकान्तवादी परमतों का निराकरण करना विक्षेपणी-कथा का स्वरूप है। डॉ. नेमिचन्द्र के अभिमत से जो मान्यता या परम्पराएं व्यक्ति या समाज को पथ-विचलित करती हैं, उनका निराकरण कथा के माध्यम से करना विक्षेपणी-कथा का उद्देश्य है।
निष्कर्षत: सन्मार्ग की स्थापना करने वाली कथा विक्षेपणी कथा है। निर्युक्तिकार ने विक्षेपणी कथा के चार भेद किए हैं—
१. अपने सिद्धान्त का प्रतिपादन कर पर सिद्धान्त का कथन करना।
२. पर सिद्धान्त का निरूपण कर अपने सिद्धान्त की स्थापना करना।
३. मिथ्यावाद का प्रतिपादन कर सम्यक्वाद का निरूपण करना।
४. सम्यक्वाद का कथन कर मिथ्यावाद का विवेचन करना।
संवेजनी ( संवेगनी ) कथा
जीवन को नश्वरता, दु:खबहुलता तथा शरीर की अशुचिता दिखाकर वैराग्य उत्पन्न करने वाली संवेजनी-कथा है। इस कथा का अंत सदा वैराग्य से होता है। वीरसेनाचार्य के अनुसार पुण्यफल का कथन करने वाली संवेजनी-कथा है। गोम्मटसार में रत्नत्रय की आराधना से प्राप्त तीर्थंकरादि ऐश्वर्य, प्रभाव, तेज, वीर्य, ज्ञान, सुख आदि का वर्णन करने वाली संवेजनी कथा है। धवलाकार के अभिमत से विस्तारपूर्वक धर्म के फल का वर्णन करने वाली संवेजनी कथा है। कुवलयमाला में संवेग और ज्ञान को उत्पन्न करने वाली कथा को संवेजनी-कथा कहा है। निर्युक्तिकार के अनुसार संवेजनी-कथा का विषय वैक्रिय तथा ज्ञान, दर्शन, चारित्र और वीर्य आदि की ऋद्धियों का वर्णन करना है।
निर्युक्तिकार ने संवेजनी-कथा के चार भेद किए हैं—१. आत्मशरीर-संवेजनी, २. परशरीर-संवेजनी, ३. इहलोक-संवेजनी, ४. परलोक-संवेजनी। ठाणं में भी संवेजनी-कथा के ये ही चारों भेद किये गये हैं किन्तु उनमें क्रमव्यत्यय है। दशवैकालिक चूर्णिकार ने इन चारों कथाओं का विस्तृत विवेचन किया है। शुक्र, शोणित, मांस, वसा, मेद, अस्थि, स्नायु, चर्म, केश, रोम, नाक, दन्त आदि के द्वारा अपने शरीर की आशुचिता का वर्णन कर श्रोता के मन में विरक्ति उत्पन्न करना आत्मशरीर संवेजनी-कथा है। अन्य व्यक्ति के शरीर को मांस, शुक्र, शोणित, चर्बी, अस्थि, चर्म आदि का समूह कहकर मलमूत्र आदि अशुचि को बतलाना परशरीर-संवेजनी धर्मकथा है। सांसारिक सुख केले के स्तम्भ के समान साररहित हैं—इस प्रकार भौतिक सुखों की असारता और अनित्यता का वर्णन करके विरक्ति उत्पन्न करने वाली इहलोक-संवेजनी कथा है। देव भी ईर्ष्या, विषाद, मद, क्रोध और लोभादि से अभिभूत होकर कष्ट प्राप्त करते हैं अत: मनुष्य और तिर्यचों के दु:ख की क्या बात है? इस प्रकार का प्रभावोत्पादक वर्णन कर श्रोताओं को पाप से विरक्त करना परलोक-संवेजनी कथा है।
निर्वेदनी ( निर्वेजनी ) कथा
व्यक्ति को संसार से विरक्त कराने वाली निर्वेदनी कथा है। निर्युक्तिकार के अनुसार पापकर्मों के अशुभ फलों का निरूपण करने वाली निर्वेदनी कथा है। थोड़ा-सा प्रमाद भी अशुभ फलदायक है। इस बात का वर्णन ही इस कथा का मुख्य लक्ष्य है। गोम्मटसार के अनुसार, संसार, शरीर, भोग, रागजनित दुष्कर्म के द्वारा प्राप्त नरक आदि का दु:ख, दुष्कुल, विरूपता, दरिद्रता, अपमान आदि का वर्णन करते हुए वैराग्य उत्पन्न करने वाली निर्वेदनी-कथा है।
धवलाकार ने भी इसी कथन की पुष्टि की है। इसके चार भेद इस प्रकार हैं—
१. इस लोक में दुश्चीर्ण कर्म इसी लोक में दु:खमय फल देने वाले होते हैं, जैसे—चोरी, व्यभिचार आदि।
२. इस लोक में दुश्चीर्ण कर्म परलोक में दु:खमय फल देने वाले होते हैं, जैसे—नारकों की वेदना आदि।
३. परलोक में दुश्चीर्ण कर्म इहलोक में दु:खमय फल देने वाले होते हैं, जैसे—वर्तमान में कोढ, दरिद्रता, कुरूपता आदि।
४. परलोक में दुश्चीर्ण कर्म परलोक में ही दु:खमय फल देने वाले होते हैं।
निर्युक्तिकार ने इन चारों कथाओं के कहने के क्रम का भी उल्लेख किया है। शिष्य को सर्वप्रथम आक्षेपणी-कथा के द्वारा तत्त्व समझाना चाहिए। फिर अपने सिद्धान्त का सम्यक्ज्ञान हो जाने के पश्चात् विक्षेपणी-कथा कहनी चाहिए। इसका कारण बताते हुए निर्युक्तिकार कहते हैं कि आक्षेपणी कथा से सम्यक्त्व की प्राप्ति होती है किन्तु विक्षेपणी कथा सर्वप्रथम कहने से परमत के प्रति अभिनिवेश होने पर तीव्र मिथ्यात्व की प्राप्ति भी हो सकती है। धवलाकार ने भी इसी तथ्य की विस्तार से व्याख्या की है। आक्षेपणी, संवेजनी और निर्वेजनी—इन तीन कथाओं द्वारा जो जिनमत को सम्यक् रूप से जान लेता है तथा जो विरति, तप, शील और नियम में जागरूक है, उसे विक्षेपणी-कथा कहनी चाहिए। कहने का तात्पर्य यह है कि विक्षेपणी-कथा व्युत्पन्न तथा सम्यग्दृष्टि शिष्य को ही कहनी चाहिए जिससे वह परमत के प्रबल तर्कों को जानकर भी अपने सिद्धान्त का सम्यग् प्रतिपादन कर सके। सामान्य शिष्य के लिए उपर्युक्त तीन कथाएं ही पर्याप्त हैं।
इन चारों कथाओं की विषयवस्तु को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां कथा का सम्बन्ध कथन से होना चाहिए न कि कहानी से। सामान्यतया धर्म और दर्शन से सम्बन्धित प्राय: सभी विषय इन चार कथाओं-कथनों में समाविष्ट हो जाते हैं। यह अधिक संभव है कि इन विषयों का वर्णन करते हुए उनकी स्पष्टता के लिए कथाओं का भी उल्लेख किया जाता था जैसे अर्थकथा में राजपुत्र, अमात्यपुत्र आदि चार मित्रों की कथा। इसी आधार पर इनका नाम कथा पड़ा हो।
मिश्र कथा
मिश्र कथा को संकीर्ण कथा भी कहा गया है। जिसमें धर्म, अर्थ और काम—इन तीनों पुरुषार्थो का कथन हो, काव्य के रस और भावों का निरूपण हो, जो लौकिक और शास्त्रीय परम्परा में प्रसिद्ध हो, वह मिश्र कथा है। हरिभद्र ने समराइच्चकहा में मिश्र कथा की यही परिभाषा की है किन्तु जिसमें उदाहरण, हेतु और कारणपूर्वक विषय का निरूपण हो, उसे भी मिश्रकथा माना है। धर्म, अर्थ और काम—इन तीनों तत्त्वों का समावेश हो जाने से यह मनोरंजक तो होती ही है साथ ही ज्ञानप्रद भी होती है। सामान्य जनमानस के लिए यही कथा अधिक उपयोगी होती है।
कथा का शीर्षक
शीर्षक कथा का दर्पण होता है। शीर्षक जितना छोटा और प्रतीकात्मक होता है, उतना ही आकर्षक लगता है। पाठक की उत्सुकता जगाने में शीर्षक का बहुत बड़ा योगदान होता है। बीज में वटवृक्ष की भांति अच्छे शीर्षक में पूरी कहानी सन्निहित रहती है। आधुनिक कथाओं के शीर्षकों की भांति निर्युक्तिकार ने भी अपने ढंग से कथाओं के शीर्षकों का संकेत दिया है। जैसे—उत्तराध्ययन निर्युक्ति ८८, ८९ में २२ परीषहों से सम्बन्धित कथाओं के संकेत शीर्षक रूप में प्रारम्भ की दो गाथाओं में दे दिए हैं, जैसे—कुमारक, नदी, तापस, मुद्गर आदि। इसी प्रकार दशाश्रुतस्कन्ध की निर्युक्ति में मरुक, द्रमक, अचंकारिय, पंडरज्जा आदि हैं। यद्यपि ये कथाओं के संकेत हैं किन्तु आधुनिक भाषा में इन्हें शीर्षक कहा जा सकता है।
अनेक शीर्षक व्यक्तिवाचक नाम से संबंधित होने के कारण कथा का स्पष्ट अवबोध करा देते हैं किन्तु कुछ अस्पष्ट भी हैं। कहीं-कहीं प्रतीकात्मक शीर्षक भी हैं, जैसे—आवश्यक निर्युक्ति में मुग्गसेल, गोणी, आदि। निर्युक्तिकार ने प्राय: कथाओं के संकेत या शीर्षक दिए हैं, उनका विस्तार या व्याख्या नहीं की है। ऐसा संभव लगता है कि ये संकेत या शीर्षक इतने प्रसिद्ध हो गए थे कि इनके आधार पर परवर्ती व्याख्याकारों ने इनका विस्तार कर दिया। जैसे—आवश्यक निर्युक्ति गाथा ११९ में साप्तपदिक, श्रावकभार्या, कमलामेला आदि अनेक कथाओं के संकेत हैं। उन कथाओं की चूर्णिकार एवं टीकाकार ने व्याख्या की है। शीर्षक की प्रसिद्धि के बिना केवल साप्तपदिक या कमलामेला शब्द के आधार पर पूरी कथा का वर्णन संभव नहीं था। निर्युक्तिकार ने भाव, अर्थ, घटना, व्यक्ति एवं परिस्थिति को ध्यान में रखकर अनेक प्रकार के शीर्षक दिए हैं, जैसे—स्थान सूचक, घटना सूचक, विस्मय एवं कुतूहलजनक तथा चरित्र प्रधान आदि।
कथा के तत्त्व
वसुदेवहिण्डी में कथा के छह अंगों का निर्देश है—१. कथोत्पत्ति, २. पीठिका, ३. मुख, ४. प्रतिमुख, ५. शरीर, ६.उपसंहार। जिनसेन ने द्रव्य, क्षेत्र, तीर्थ, काल, भाव, महाफल और प्रकृत-कथा के ये सात अंग माने हैं। काव्यशास्त्र के अनुसार वस्तु, रस और नेता—ये तीन कथा के आधारभूत तत्त्व हैं। आधुनिक विद्वानों ने कथा के छह तत्त्वों को स्वीकृत किया है—१. कथानक, २. पात्र एवं चरित्र चित्रण, ३. कथोपकथन, ४. देश-काल और वातावरण, ५. भाषा-शैली, ६. उद्देश्य।
निर्युक्ति कथाओं की भाषा शैली
रचना को अभिव्यक्त करने की विधि शैली है, जिसके द्वारा कोई भी रचना आकर्षक, रमणीय और प्रभावशाली बनाई जा सकती है। सुन्दर शैली के अभाव में सरस कथानक भी नीरस बन जाता है। शैली की दृष्टि से निर्युक्तिकार ने संक्षिप्त किन्तु इतिवृत्तात्मक शैली अपनाई है। कहीं-कहीं संवादात्मक शैली का भी प्रयोग किया है।
आगमिक कथा शैली की भांति निर्युक्तिकार ने कहीं भी पुनरुक्ति, विस्तार या उपदेश नहीं दिया। उन्होंने कथा का प्रस्तुतीकरण अत्यन्त संक्षिप्त एवं गूढ शैली में किया है, जैसे—'तण्हाइतो अपीतो' इस एक चरण का भाव यदि हिंदी में लिखा जाय तो लंबा परिच्छेद बन जाए। इसी प्रकार दशाश्रुतस्कंध निर्युक्ति में निर्दिष्ट प्रभावती और उदायन की कथा निशीथ चूर्णि में ७-८ पूष्ठों में है किन्तु निर्युक्तिकार ने मात्र दो-तीन गाथाओं में पूरी कथा का संकेत दे दिया है। संक्षिप्तता के कारण ही निर्युक्तिकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक वातावरण का वर्णन नहीं कर सके। किन्तु उत्तराध्ययन सूत्र के जो स्वतंत्र कथानक हैं, वहां कथानकों को विवरणात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है। विवरणात्मक शैली के संदर्भ में निर्युक्तिकार का मंतव्य है कि महान् अर्थ वाली कथा को भी अति विस्तार से नहीं कहना चाहिए क्योंकि अति विस्तार से कथा का भावार्थ नष्ट हो जाता है।
हिन्दी साहित्य में प्रचलित छायावाद आज के युग की ही देन नहीं अपितु निर्युक्तिकार ने भी प्रकृति का मानवीकरण किया है। षट्जीवनिकाय को मानव के रूप में प्रकट करके उन्हीं के मुख से उनकी विशेषता को रहस्यात्मक शैली में प्रस्तुत किया है। प्रकृति का मानव जीवन के साथ कितना तादात्म्य सम्बन्ध है, इसका सुन्दर विवेचन उत्तराध्ययन निर्युक्ति में दर्शन परीषह के अन्तर्गत आषाढभूति की कथा में हुआ है।
निर्युक्ति प्राकृत भाषा में निबद्ध रचना है अत: कथाएं भी प्राकृत भाषा में लिखी गई हैं। इनमें अनेक देशी शब्दों का प्रयोग भी हुआ है जैसे—दुयग्ग, वियडि्ड, भेरुंड, अप्फोव, अम्मा, पोरुसाद, चोल्लग, उड्डाह आदि। कहीं-कहीं कथाओं के बीच एकार्थक शब्दों का प्रयोग भी हुआ है। इससे कोशज्ञन में वृद्धि अवश्य होती है किन्तु कथा के प्रवाह में श्लथता आयी है।
निर्युक्ति कथाओं का उद्देश्य
जिस प्रकार नींव के बिना मकान नहीं टिक सकता उसी प्रकार बिना उद्देश्य के लिखी गई कथा स्थायी प्रभाव नहीं डाल सकती। केवल लोक-मनोरंजन और समय गुजारने के लिए लिखी गई कथा कथा की गरिमा को कम कर देती है। कथा का मूल उद्देश्य जीवन की कुंठाओं एवं अवांछनीय वासनाओं का शोधन करना है। निर्युक्तिकार ने प्रत्येक कथा को विशेष उद्देश्य के साथ प्रस्तुत किया है तथा उद्देश्य के अनुरूप ही कथावस्तु एवं पात्रों का चयन किया है।
निर्युक्तिकार ने आस-पास घटने वाली अनेक मनोदशाओं का सुन्दर विश्लेषण किया है। पतन से उत्थान की ओर ले जाने वाली अनेक ऐसी कथाएं हैं, जो आज भी किसी के हृदय-परिवर्तन में पर्याप्त सहायक हो सकती हैं।
आज वह कथा अच्छी नहीं मानी जाती जिसमें उपदेश द्वारा उद्देश्य प्रत्यक्ष कर दिया जाता है! आगमकालीन कथाओं के अंत में प्राय: उद्देश्य स्पष्ट कर उपदेश दिया गया है। कुछ कथाओं को छोड़कर निर्युक्तिकार ने कहीं भी कथाओं के माध्यम से उपदेश नहीं दिया वरन् स्वत: ही कथा की प्रस्तुति एवं संकेतों से उद्देश्य स्पष्ट हुआ है। निर्युक्तिकार ने निम्न उद्देश्यों को ध्यान में रखकर कथाओं का उपयोग किया है—
१. न्याय, दर्शन जैसे दुरूह विषय को सरल, हृदयग्राही और सुबोध बनाने के लिए कथाओं का प्रयोग किया है। जैसे—दशवैकालिक निर्युक्ति में हेतु के भेद-प्रभेदों को अनेक रोचक कथाओं के माध्यम से स्पष्ट किया है तथा आवश्यक निर्युक्ति में अनुयोग एवं अननुयोग को स्पष्ट करने के लिए भी कथाओं का संकेत मिलता है।
२. संवेग नियंत्रण तथा समता का उपदेश कथाओं के माध्यम से बहुत सुंदर ढंग से निरूपित किया गया है, जैसे—दशाश्रुतस्कन्ध निर्युक्ति में क्रोध, मान, माया आदि के दुष्परिणामों को व्यक्त करने वाली कथाएं।
३. जैन मुनि के आचार-विचार को निरूपित करने के लिए भी बहुलता से कथाओं का प्रयोग हुआ है, जैसे—उत्तराध्ययन निर्युक्ति में २२ परीषहों की कथाएं।
४. किसी सैद्धान्तिक विषय का स्पष्टीकरण कथा के माध्यम से सुंदर शैली में हुआ है। जैसे आवश्यक निर्युक्ति में ज्ञान और दर्शन में भेद और अभेद स्थापित करने के लिए अंधे एवं पंगु की कथा। आचारांग निर्युक्ति में द्रव्यशय्या को स्पष्ट करने के लिए वल्गुमती की कथा आदि।
५. जीवन के सही उद्देश्य एवं मानव जीवन की दुर्लभता को प्रकट करने के लिए भी प्रेरक एवं मनोरंजक दृष्टान्त परक कथाओं का प्रयोग हुआ है, जिसको पढ़कर सहज ही उत्थान की प्रेरणा जागती है। जैसे—उत्तराध्ययन निर्युक्ति में चोल्लग, पासग आदि दस दृष्टान्तों को कथाएं।
६. संयम, सदाचार और कर्त्तव्य की प्रेरणा देने के लिए भी बहुलता से कथाओं का प्रयोग हुआ है। इन नीति-कथाओं में धर्म, अर्थ, और काम का सुंदर प्रतिपादन हुआ है।
७. भौतिकता का निराकरण और आध्यात्मिक चिन्तन का प्रस्तुतीकरण भी मनोवैज्ञानिक ढंग से इन कथाओं में हुआ है। जैसे—मृगापुत्र, नमिराजा, इषुकार आदि।
८. नारी की चारित्रिक उज्ज्वलता तथा दृढ़ता को प्रकट करने के लिए भी निर्युक्तिकार ने कथाओं का प्रयोग किया है, जैसे—मृगावती, सुभद्रा आदि। इसी प्रकार वीरता जगाने हेतु वीर पुरुषों के शौर्य और पराक्रम की गाथा भी कथा के माध्यम से व्यक्त की गई है।
९. समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं कुरूढ़ियों पर प्रहार करने हेतु भी कथानकों की रचना की गई है, जैसे—दशवैकालिक निर्युक्ति की हिंगुशिव की कथा अंधविश्वास पर करारा व्यंग्य करती है तथा उत्तराध्ययन निर्युक्ति में हरिकेश की कथा जातिवाद के विरोध में सशक्त आवाज उठाती है।
१०. जन्म-जन्मान्तर के संस्कारों का उद्घाटन कर वर्तमान दु:ख का कारण स्पष्ट करना तथा पात्रों को व्रत, संयम तथा चरित्र की ओर अग्रसर करना निर्युक्तिकार का लक्ष्य रहा है, जैसे—चित्रसंभूत एवं चंडकौशिक की कथा आदि।
कथा का अंत
कथा का अंत इस प्रकार होना चाहिए जिससे सारी सौन्दर्याभिव्यक्ति पूंजीभूत होकर एक साथ प्रकट हो जाय। एक पाश्चात्त्य विद्वान् के अनुसार उसी कथा का अंत सुंदर माना जाता है, जहां से पुन: एक नई कथा प्रारंभ की जा सके तथा पाठक के मन में एक उथल-पुथल मच जाए। भारतीय शैली या दर्शन के अनुसार निर्युक्ति कथा का अंत प्राय: सुखान्त है। अंत में या तो पात्र को शाश्वत सुख की प्राप्ति हुई है या वह कलह, हिंसा, संत्रास से विरत होकर शांति, अहिंसा और अभय की ओर उन्मुख हुआ है। कहीं भी बिछोह, दु:ख या मानसिक कुंठा के साथ कथा का अंत नहीं हुआ है।
निर्युक्ति-कथा की विशेषताएं
कथा साहित्य के अंतर्गत निर्युक्ति की कथाओं का अपना विशिष्ट स्थान है। यदि सम्पूर्ण निर्युक्ति साहित्य की कथाओं का संकलन किया जाए तो विशाल कथा साहित्य हमारे समक्ष उपस्थित हो जाता है। भारतीय और पाश्चात्य विद्वानों ने कथा के गुण और अवगुण के बारे में पर्यात चिंतन किया है। जैक लंदन के अनुसार कथा मूर्त, संबद्ध, सत्वरित, सजीव और रुचिकर होनी चाहिए। जे.बी. इमनबीन ने कथा के पांच गुणों का उल्लेख किया है—
१. प्रभाव को एकात्मकता।
२. कथानक को श्रेष्ठता।
३. एक प्रधान पात्र।
४. घटना की प्रधानता।
५. किसी एक समस्या का समाधान।
घटनाओं की प्रधानता के अतिरिक्त निर्युक्ति साहित्य में प्राय: सभी विशेषताओं का समावेश मिलता है। संक्षेप में निर्युक्तिगत कथाओं के वैशिष्ट्य को निम्न बिन्दुओं में प्रस्तुत किया जा सकता है—
१. निर्युक्तिकार द्वारा निर्दिष्ट कथाओं में कुतूहल और उत्सुकता की योजना है, जिससे पाठक के मन में आगे से आगे तथ्य जानने की जिज्ञासा एवं कुतूहल अंत तक बना रहता है।
२. वैदिक कथाओं में प्राकृतिक शक्तियों के आक्रोश से वचने के लिए उन्हें दिव्य शक्तियों के रूप में कल्पित करके कथा की रचना की गयी है। जन-जीवन से दूर ऐसी कथाएं निर्युकित-साहित्य में नहीं हैं।
३. कहीं-कहीं पात्रों की बहुलता और अवान्तर घटनाओं का समावेश होते हुए भी प्राय: कथाओं में संतुलन एवं लयबद्धता बनी हुई है। कहीं भी कथा टूटती हुई प्रतीत नहीं होती।
४. आध्यात्मिक, परामनोवैज्ञानिक और धार्मिक तथ्यों का संकलन भी निर्युक्ति कथाओं में बहुत सुंदर शैली में किया गया है, जैसे—संसार से खिन्न एवं दु:खी व्यक्ति का विशिष्ट ज्ञानी से मिलन, कष्टों को सहन करते हुए देवलोक को प्राप्त करना आदि।
५. निर्युक्तिकार ने इतिहास को सुरक्षित रखने का महान् प्रयत्न किया है। कथानक को संक्षिप्त करके भी प्राय: ऐतिहासिक कथाओं के पात्र एवं स्थानों के नाम दे दिए हैं, जैसे—
माता य रुद्दसोमा, पिता य नामेण सोमदेवो त्ति!
भाया य फग्गुरक्खित, तोसलिपुत्तो य आयरिया।।
आवनि ४७९
६. बौद्ध जातकों में ब्रह्मदत्त राजा की भांति निर्युक्तिकार ने भी कुछ काल्पनिक नामों का प्रयोग किया है। जैसे—जितशत्रु राजा, धारिणी देवी, धर्मघोष आचार्य आदि। कथा के प्रारंभ में किसी राजा या व्यक्ति का नाम आना चाहिए इसलिए कुछ प्रसिद्ध नाम सबके साथ जोड़ दिए। वास्तव में इस नाम का कोई राजा या आचार्य हुआ या नहीं, यह इतिहास की दृष्टि से खोज का विषय है।
७. निर्युक्ति कथाओं के बीच में सूक्त-सुभाषितों का प्रयोग भी हुआ है, जैसे—
राईसरिसवमित्ताणि, परच्छिद्दाणि पाससि।
अप्पणो बिल्लमित्ताणि, पासंतो वि न पाससि।।
उत्तराध्ययन निर्युक्ति १४०
८. निर्युक्ति कथाओं को पढने से ऐसा अनुमान लगाया जा सकता है कि कहीं-कहीं देववाद का प्रभाव चूर्णिकार ने अपनी ओर से सम्मिलित किया है। जैसे—उत्तराध्ययन निर्युक्ति की तृषा परीषह की कथा में बालमुनि धनशर्मा तृषा परीषह को सहन करते हुए दिवंगत हो गया। निर्युक्ति की कथा यहीं समाप्त हो जाती है किंतु उसके बाद देवविकुर्वणा द्वारा संघ के लिए गोकुल की रचना को बात बाद में वैदिक प्रभाव से आयी है या कथा को अतिशयित करने हेतु चूर्णिकार ने जोड़ी है, ऐसा संभव लगता है।
९. निर्युक्ति साहित्य में अनेक ऐसी रूपक कथाएं हैं, जिनमें आध्यात्मिक तत्त्व बीज रूप में निहित हैं, जैसे—मुद्गशैल, गाय, नकुल आदि। निर्युक्तिकार ने उन्हीं वस्तुओं या पशु-पक्षियों का संग्रहण किया है, जो जन-जीवन के निकट हैं तथा जिनसे प्रेरणा ली जा सके।
आवश्यकनिर्युक्त में अनेक स्थलों पर कथा का मात्र संकेत है, जैसे—चार बुद्धि से संबंधित कथाएं। अनेक स्थलों पर तो कथा से संबंधित पात्रों के संकेत भी नहीं हैं। चूर्णिकार या टीकाकार ने नामोल्लेखपूर्वक कथा की व्याख्या की है। इससे दो बातें फलित होती हैं—
१. उस समय कथाएं इतनी प्रसिद्ध थी कि संकेत मात्र से पूरी कथा ध्यान में आ जाती थी, जैसे आजकल प्रेमचन्द के उपन्यासों की कथा गबन, गोदान आदि।
२. व्याख्याकार ने कल्पित नाम रखकर निर्दिष्ट कथा की व्याख्या की है।
निर्युक्ति की अनेक कथाएं भारतीय कथा साहित्य की संवादी हैं। कुछ कथाएं तो विश्व कथा साहित्य के साथ तुलनीय हैं, क्योंकि निर्युक्तिकार ने अनेक लौकिक कथाओं का भी संग्रहण किया है। विंटरनित्स के अनुसार प्राकृत कथा साहित्य वस्तुत: अत्यन्त विशाल है। इसका महत्त्व तुलनात्मक शोधविद्यार्थियों के लिए ही नहीं बल्कि जनसाधारण के लिए भी है। निर्युक्ति की कुछ कथाओं को जैन, बौद्ध या वैदिक नहीं कहा जा सकता। इन कथाओंको सभी ने अपनी-अपनी धार्मिक मान्यता के अनुसार आख्यानों में परिणत कर दिया है, जैसे राजर्षि नमि की कथा बौद्ध और वैदिक दोनों परम्पराओं में मिलती है।
निष्कर्षत: निर्युक्तिकार ने कथा साहित्य की दृष्टि से गागर में सागर भरने का प्रयत्न किया है। इन कथाओं का आज भाषा की दृष्टि से साहित्यिक महत्त्व भले ही न हो, पर सांस्कृतिक महत्त्व है।
कथाओं का अनुवाद
अनुवाद से एक भाषा में कही गयी बात को अन्य भाषा के माध्यम से दूसरों तक पहुंचा दिया जाता है। विद्वानों के अनुसार अनुवाद सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं भावात्मक एकता का प्रमुख कारण है। कैलाशचन्द्र भाटिया के अनुसार एक भाषा से दूसरी भाषा में कथा साहित्य अनूदित होता है क्योंकि यह सबके द्वारा रुचि के साथ पढ़ा जाता है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर निर्युक्ति साहित्य में निर्दिष्ट कथाओं का हिंदी में अनुवाद किया गया है। चूर्णिकार ने इन कथाओं का प्राकृत भाषा में विस्तार किया है।
अनुवाद करते समय भोलानाथ तिवारी की इस उक्ति को स्मृति में रखा गया है कि मूल भाव को सफलतापूर्वक बहन करते हुए लक्ष्य भाषा में शब्दानुवाद करना ही वास्तविक अनुवाद है। श्रेष्ठ अनुवाद के लिए मूल भाषा के मर्म को समझना पड़ता है। चूंकि प्राकृत भाषा में अत्यन्त संक्षेप में बात कही जाती है अत: उसका हूबहू अनुवाद करना अत्यन्त कठिन एवं श्रमसाध्य कार्य है। प्रस्तुत अनुवाद मुनिश्री दुलहराजजी की श्रमनिष्ठा का ही प्रतिफल है। उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करके मैं उनके उपकार को सीमित बनाना नहीं चाहती। उनका निष्काम कर्म मेरे पथ को भी आलोकित करता रहेगा, ऐसा विश्वास है।
आवश्यक निर्युक्ति की कथाओं के अनुवाद का मुख्य आधार हमने हारिभद्रीय टीका को बनाया है। कहीं कहीं जो कथाएं टीका में स्पष्ट नहीं हैं, उनका अनुवाद चूर्णि एवं मलयगिरि टीका से भी किया है। औत्पत्तिकी आदि बुद्धि से संबंधित कथाएं मलयगिरि टीका में विस्तार से हैं अत: अनुवाद के समय उसको भी सामने रखा है। भगवान् ऋषभ एवं महावीर से संबंधित अनेक प्रसंग चूर्णि से भी अनूदित किए हैं l सर्वांगसुंदरी एवं मायाविषयक शुक की कथा आदि कुछ कथाओं का अनुवाद आचार्य मलयगिरि की टीका एवं चूर्णि से किया है। कुछ कथाएं केवल आवश्यक निर्युक्ति दीपिका में स्पष्ट थीं अत: दीपिका के आधार पर भी कथा का अनुवाद किया है, जैसे—कथा सं १८१।
दीक्षा गुरु आचार्यश्री तुलसी मेरे जीवन के हर विकास के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनका नाम-स्मरण मेरे जीवन की हर क्रिया का आदि मंगल है। आज भी अप्रत्यक्ष रूप से उनकी मंगल सन्निधि का अहसास मुझे हर क्षण होता रहता है। परमपूज्य आचार्यप्रवर एवं युवाचार्य प्रवर के मंगल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से ही यह कार्य सम्पन्न हो सका है। उनकी कृपादृष्टि मेरी श्रुतयात्रा का मंगल पाथेय है। महाश्रमणी साध्वी प्रमुखाजी की स्नेहसिक्त मंगल शुभकामना और प्रोत्साहन मेरे लिए अविस्मरणीय है। आदरणीय नियोजिका समणी अक्षयप्रज्ञाजी एवं समस्त समणी परिवार का सहयोग भी मूल्यार्ह रहा है।
पीएच-डी. का ग्रंथ आवश्यक निर्युक्ति खण्ड १ के परिशिष्ट में सामायिक निर्युक्ति में आई कथाओं का अनुवाद वि. सं. २००१ में प्रकाशित हुआ था। विद्वानों का सुझाव था कि ये कथाएं अत्यन्त महत्त्वपूर्ण हैं अत: इन कथाओं का अलग से प्रकाशन होना चाहिए, जिससे ये जनभोग्य बन सकें। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर इन कथाओं का अलग से प्रकाशन किया जा रहा है। हमने हर कथा के नीचे संदर्भ स्थल का भी सलक्ष्य संकेत किया है, जिससे यह ग्रंथ विद्वानों के लिए भी जनभोग्य बन सके। अंत में संपूर्ण श्रुतपरम्परा को प्रणाम करती हुई मैं अपने प्रति मंगलकामना करती हूं कि अभीक्ष्ण श्रुतोपयोग निमज्जन करती हुई हर क्षण को अप्रमत्त भाव से जीकर धर्मशासन की प्रभावंना करं सकूं।
डॉ. समणी कुसुमप्रज्ञा
♦
आवश्यक निर्युक्ति की कथाएं (भाग-१)
१. गोकुल का धनी कुचिकर्ण
इस भरतक्षेत्र के मगध जनपद में कुचिकर्ण नामक धनपति था। उसके पास अनेक गोकुल थे। उसने अपने गोकुलों को अनेक वर्गों में विभक्त कर उनके संरक्षण के लिए अलग-अलग ग्वालों की नियुक्ति कर दी। वे सब अपने-अपने गो-वर्ग को एक ही चारागाह में चराने के लिए ले जाते। विभिन्न गो-वर्ग की गाएं आपस में मिल जातीं। गायों की संख्या अधिक होने के कारण वे चरवाहे 'यह गाय मेरी है, तुम्हारी नहीं' इस प्रकार बोलकर आपस में कलह करने लगते। उनके इस कलह के कारण गायों के संरक्षण में प्रमाद होता और उस प्रमाद के कारण सिंह, व्याघ्र आदि हिंस्र पशु गायों को मार डालते। उचित संरक्षण के अभाव में वे गाएं विषम दुर्गों या खाइयों में गिरकर अंगविहीन हो जातीं अथवा मर जातीं।
कुचिकर्ण गृहपति को जब यह स्थिति ज्ञात हुई तो उसने उन चरवाहों की असम्मूढता के लिए रंगों के आधार पर गायों को बांटकर भिन्न-भिन्न गायों के अलग-अलग गो-वर्ग बना दिए। काली, नीली, लाल, सफेद और चितकबरी गायों को रंगों के आधार पर तथा उनकी सींगों को आकृतियों के आधार पर उन्हें पृथक्-पृथक् गो-वर्गों में विभक्त कर ग्वालों को संरक्षण का भार दे दिया। अब वे ग्वाले अपनी गायों को पहचानने में संमूढ नहीं होते तथा कलह भी नहीं करते।
२. कछुए का शोक
सेवाल से आच्छादित एक विशाल हद था। उसमें अनेक जलचर जीव रहते थे। एक कछुआ उन जलचरों से व्यथित था। एक बार वह उस हद में घूम रहा था। उसे सेवाल-पटल में एक छिद्र दिखाई दिया। उसने अपना मुंह उस छिद्र से बाहर निकाला और शरदपूर्णिमा की चांदनी का सुखद स्पर्श अनुभव किया। वह अपने परिवार को भी उस सुखद अनुभूति का आस्वाद कराने के लिए निमज्जन कर अपने परिवार को साथ लेकर वहां आया और सेवाल में छिद्र की खोज करने लगा। सेवाल के कारण छिद्र न मिलने पर वह शोक करने लगा।
३. दोष-निवारण
बसन्तपुर नगर में अगीतार्थ साधुओं का एक गच्छ रहता था। उनमें एक गीतार्थ साधु, जो श्रमण-गुणों से रहित था, प्रतिदिन सचित्त जल और आधाकर्मी आहार का सेवन करता था। संध्या के समय वह अपने दोषों की अत्यन्त संवेग के साथ आलोचना करता था। उस गच्छ के आचार्य अगीतार्थ थे अत: प्रायश्चित्त देते हुए कहते—'अहो! यह कितना पापभीरु साधु है। प्रतिसेवना करना सरल है पर स्पष्टता से आलोचना करना अत्यन्त कठिन है। यह कितनी सूक्ष्मता से अपने दोषों की आलोचना करता है। इसमें माया और शठता नहीं है अत: यह प्रतिसेवना करके भी शुद्ध है।' यह देख-सुनकर अन्य गीतार्थ श्रमण भी उसकी प्रशंसा करने लगे।
एक बार कोई गीतार्थ और संविग्न साधु विहार करते हुए वहां आया। उसकी प्रतिदिन की चर्या देखकर उसने एक उदाहरण देते हुए कहा—'गिरिनगर में कोई रत्नवणिक् था। वह अपने घर में रत्नों को भरकर उनमें आग लगा देता था। उसको देखकर सब लोग उसकी प्रशंसा करते कि अहो! यह धन्य है जो भगवान् अग्नि को इस प्रकार तर्पण देता है। एक दिन उसने घर में आग लगाई। वायु का वेग प्रबल होने के कारण घर के साथ सारा नगर जल गया। राजा ने जब यह बात सुनी तो उसने उसका सर्वस्व हरण कर लिया। दूसरे नगर में भी एक रत्नवणिक् ऐसा ही करता था। उस नगर के राजा ने जब यह बात सुनी तो उसका सर्वस्व हरण कर उसे देश निकाला देते हुए, कहा—'तुम अग्नि को अटवी में क्यों नहीं जलाते?' संविग्न साधु आचार्य को प्रेरणा देते हुए बोला—'जिस प्रकार उस प्रथम वणिक् ने अपने अवशेष धन को भी जला दिया उसी प्रकार तुम भी उसकी प्रशंसा करते हुए अन्य साधुओं को भी विनष्ट कर दोगे। यदि इसका निग्रह नहीं किया जाएगा तो अन्य साधु भी भ्रष्ट हो जाएंगे।'
४. जामाताओं की परीक्षा
एक नगर में एक ब्राह्मणी रहती थी। उसके तीन पुत्रियां थीं। वे सुखी कैसे रह सकती हैं इसलिए वह अपने जामाताओं की परीक्षा करना चाहती थी। एक दिन उसने बड़ी पुत्री को बुलाकर कहा—'जब तेरा पति आए तब उसके सिर पर एडी से प्रहार करना।' बड़ी लड़की ने वैसा ही किया। प्रहार से आहत होकर भी पति प्रसन्न रहा। वह पत्नी के पैर दबाने लगा। उसने अपनी पत्नी को किसी प्रकार का कष्ट नहीं दिया। उसने मां से सारी बात कही। मां बोली—'बेटा! तुम जो करना चाहो, वह करो। पति तुम्हारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।' दूसरी बेटी को भी मां ने यही शिक्षा दी। उसने भी पत्ति पर वैसा ही प्रहार किया। प्रहार से खिन्न होकर पति कुछ देर बड़बड़ाया और फिर शान्त हो गया। बेटी ने आकर मां को सारी बात बताई तो मां बोली—'पुत्री! तुम भी विश्वस्त होकर रहो। तुम्हारा पति कुछ भी हो जाने पर बड़बड़ा कर शान्त हो जाएगा।' तीसरी बेटी ने भी पति के सिर पर एड़ी से प्रहार किया। पति ने तत्काल रुष्ट होकर उसको खूब पीटा और उसकी भर्त्सना करते हुए कहा—'क्या तुम निम्न कुल की हो, जो पति के साथ ऐसा बर्ताव करती हो?' उसने अपनी मां को सारी बात बताई। मां बोली—'बेटी! तुम अपने पति की देवता की भांति आराधना करना। उसको कभी छेड़ना मत।' पुत्री को समझाकर वह ब्राह्मणी अपने जामाता के पास गयी और बोली—'पुत्र! यह हमारा कुलधर्म है। तुम उसे बुरा मान गए।' इस प्रकार अनुनय करके उसे अनुकूल बनाया।'
५. गणिका की बुद्धिमत्ता
एक नगर में चौसठ कलाओं में निपुण एक गणिका रहती थी। उसका रतिगृह अत्यंत विशाल था। उसने दूसरों के भावों को जानने के लिए सब प्रकार के हाव-भाव वाली स्त्रियों के भित्तिचित्र बनवाए। वहां जो भी बढ़ई आदि व्यापारी आते, वे जिस शिल्प की प्रशंसा करते गणिका उसके माध्यम से उनके भावों को जान जाती और तदनुरूप बर्ताव करती। तब वह आगन्तुक व्यक्ति उसके अनुकूल आचरंण से प्रसन्न होकर उसको प्रचुर धन प्रदान करता।
६. अमात्य की अनुप्रेक्षा
राजा और अमांत्य-दोनों घोड़े पर सवार होकर घूमने निकले। चलते-चलते वे विषम भूमि में पहुंचे। दोनों घोड़े वहां रुके। राजा के घोड़े ने प्रस्रवण किया। छोटे से गढ़े में वह प्रस्रवण स्थिर हो गया। नगर की ओर लौटते हुए राजा उसी रास्ते से आया। उसने उस स्थान (जहां अश्व ने मूत्र किया था) को ध्यान से देखा और मन ही मन सोंचा कि यहां तालाब हो तो अच्छा रहेगा। पानी स्थिर रह सकेगा। उसने अमात्य से कुछ नहीं कहा। अमात्य इंगित और आकार का जानकार था। उसने राजा के मनोभावों को जान लिया और कुछ ही समय में राजा को ज्ञात किए बिना ही वहां एक बड़े तालाब को खुदवाकर उसके चारों ओर सुन्दर बगीचे का निर्माण करा दिया। कुछ समय पश्चात् राजा अमात्य के साथ उसी रास्ते से अश्ववाहनिका के लिए निकला। मार्गगत सुन्दर और सुरम्य तालाब को देखकर राजा ने अमात्य से पूछा—यह तालाब किसने खुदवाया है?' अमात्य बोला—'राजन्! यह आपने ही खुदवाया है।' राजा ने पूछा—'मैंने कैसे?' अमात्य बोला—'आपने इस स्थान को बहुत ध्यानपूर्वक देखा था। मैंने आपके मनोभाव को जानकर यह काम करवाया है।' राजा मंत्री की दूसरे के चित्त को जानने की कला से बहुत प्रभावित हुआ। उसने प्रसन्न होकर अमात्य का वेतनवृद्धि तथा पारितोषिक द्वारा संवर्धन किया।
७. विनीत-अविनीत का परीक्षण
कान्यकुब्ज नगर में किसी राजा ने आचार्य के साथ गोष्ठी की। उस गोष्ठी में राजा ने कहा—'राजपुत्र विनीत हैं।' आचार्य ने इसका प्रतिवाद करते हुए कहा—'साधु अधिक विनीत होते हैं क्योंकि लौकिक विनय से लोकोत्तर विनय अधिक बलवान् होता हैं।' विवाद होने पर आचार्य बोले—'तुम्हारा जो सबसे अधिक विनीत राजकुमार हो उसकी परीक्षा की जाए और हमारे साधुओं में आपको जो सबसे अधिक अविनीत प्रतीत हो, उस साधु की परीक्षा की जाए।' राजा ने यह बात स्वीकार कर ली।
राजा को जो राजकुमार सबसे अधिक विनीत प्रतीत हुआ, उसे आदेश देते हुए कहा—'देखकर आओ कि गंगा किधर वह रही है?' राजकुमार ने उत्तर दिया—'इसको क्या देखना है? यह बात तो एक बालक भी बता देगा कि गंगा पूर्व दिशा की ओर वह रही है।' राजा ने कहा—'तुम यहीं खड़े रहकर क्यों बोल रहे हो, जाकर देख आओ कि गंगा किधर वह रही है?' तब मन ही मन क्रोधित होता हुआ वह बहुत मुश्किल से उस स्थान से बाहर गया। मुख्यद्वार पर उसके किसी मित्र ने पूछा—'मित्र! तुम कहां जा रहे हो?' उसने क्रोध में आकर कहा—'जंगल में रोझ कों नमक देने जा रहा हूं।' मित्र ने पूछा—'क्या बात है, तुम इतने क्रोधित क्यों हो' राजकुमार ने अपने मित्र को राजा का आदेश सुना दिया। मित्र बोला—'राजा को ग्रह लग गया तो क्या तुम भी ग्रह से आविष्ट हो जाओगे? जाकर राजा को निवेदन कर दो कि मैंने देख लिया है कि गंगा पूर्व की ओर वह रही है।' राजकुमार ने गंगातट पर गए बिना ही राजा को बता दिया। राजा ने प्रच्छन्न रूप से भेजे गए प्रहरी से यथार्थ स्थिति को जान लिया।
राजा ने आचार्य से कहा—'ठीक है, अब साधु की परीक्षा की जाए।' राजा ने अविनीत प्रतीत होने वाले साधु की ओर इशारा किया। आचार्य ने उसे बुलाकर आदेश दिया—'गंगातट पर देखकर आओ कि गंगा किधर वह रही है?' साधु ने सोचा कि गुरु के मुख से सुना है कि गंगा पूर्व की ओर बहती है फिर भी गुरु ने कुछ सोच-समझकर आदेश दिया होगा। ऐसा निश्चय कर वह गंगातट पर गया। वहां गंगा को पूर्वाभिमुख देखा। उसने लोगों से भी इस संदर्भ में पूछा तथा सूखे तृण को गंगा में प्रवाहित करके अन्वय-व्यतिरेक से जान लिया कि गंगा पूर्व को ओर वह रही है। वहां से आकर उसने गुरु को निवेदन किया कि गंगा पूर्वाभिमुख बहती है। प्रच्छन्न रूप से भेजे गए राज-प्रहरियों ने भी यथार्थ स्थिति की अवगति राजा को दी। राजा ने सहर्ष आचार्य की बात को स्वीकार कर लिया।
८. चित्रकार
साकेत नगर के उत्तरपूर्व में सुरप्रिय नामक यक्षायतन था। वहां सुरप्रिय यक्ष को प्रतिमा थी, जो अतिशयधारी थी। वह प्रतिमा प्रतिवर्ष चित्रित होती थी। उस अवसर पर धूमधाम से उत्सव मनाया जाता था। जो चित्रकार उसको चित्रित करता, वह यक्ष द्वारा मार दिया जाता था। यदि यक्ष का चित्र नहीं किया जाता तो यक्ष उस नगर में जनमारी फैला देता, जिससे अनेक लोग मारे जाते थे। उसके आतंक से सभी चित्रकार एक-एक कर नगर से पलायन करने लगे। राजा तक यह बात पहुंची। राजा ने सोचा—'यदि सभी चित्रकार नगर से चले जाएंगे तो यह यक्ष चित्रित न होने पर हमारा वध कर देगा।' राजा ने तब सभी चित्रकारो को एक सूची तैयार की और उनके नाम पृथक्-पृथक् पत्रों में लिखकर, सभी पत्रों को एक घट में डाल दिया। राजा ने कहा—'इस घट से प्रतिवर्ष नामांकित एक-एक पत्र निकाला जाएगा। जिसका नाम उस पर होगा, उसको यक्ष का चित्र बनाना होगा।' सबने यह बात स्वीकार कर ली। काल बीतने लगा।
एक बार कौशाम्बी नगरी के एक चित्रकार का लड़का घर से पलायन कर साकेत नगर में चित्रकारी सीखने आ पहुंचा। वह घूमता हुआ साकेत नगर में एक चित्रकार के धर में ठहरा। उस घर में एक वृद्धा रहती थी। उसका एकमात्र पुत्र चित्रकार था। वह आगंतुक युवक वहां रहा और दोनों में गाढ़ मित्रता हो गई। उस वर्ष वृद्धा के पुत्र चित्रकार को बारी आ गई। वृद्धा ने जब यह जाना तो वह बहुत विलाप करने लगी। उसको विलाप करते देखकर कौशाम्बी से समागत चित्रकार-पुत्र ने पूछा—'मां! तुम रो क्यों रही हो?' वृद्धा ने उसे सारी बात बताई। उसने कहा—'मां! तुम रोओ मत। मैं उस यक्ष को चित्रित करूंगा।' वृद्धा बोली—'क्या तुम मेरे पुत्र नहीं हो?' वह बोला—'मां! मैं तुम्हारा ही पुत्र हूं, फिर भी मैं यक्ष को चित्रित करूंगा। तुम सब प्रसन्न रहो।'
समय पर उसने दो दिन की तपस्या की और नया वस्त्र-युगल धारण कर, आठ पटल वाले वस्त्र को मुंह पर बांध, शुद्ध होकर यक्षायतन में गया। उसने जलभृत नए कलशों से मूर्ति को स्नान कराया और नए कूर्वक तथा नए मल्लक संपुरों से आश्लिष्ट रंगों से यक्ष को चित्रित किया। फिर श्रद्धापूर्वक यक्ष के चरणों में लुठकर बोला—'हे देव! आप मेरे अपराध को क्षमा करें।' प्रसन्न होकर यक्ष ने कहा—'वरदान मांगो।' उस चित्रकार ने कहा—'आप मुझे यह वरदान दें कि अब आगे से आप किसी को नहीं मारेंगे।' यक्ष बोला—'ठीक है। जैसे मैंने तुमको नहीं मारा, वैसे ही दूसरों को भी नहीं मारूंगा और कुछ वरदान मांगो।' तब वह बोला—'जिस द्विपद, चतुष्पद अथवा अपद के शरीर का एक अंश भी मैं देख लूं तो उसका यथार्थ चित्रांकन कर सकूं-ऐसा मुझे वरदान दें।' यक्ष ने 'तथास्तु' कहकर उसे वह वरदान भी दे दिया। वरदान प्राप्त करने पर राजा ने उसका सम्मान किया। वह वहां से कौशाम्बी चला गया।
कौशाम्बी नगरी के राजा शतानीक ने एक दिन सुखासीन होकर अपने दूत से पूछा—'मेरे पास ऐसी कौन सी वस्तु नहीं है, जो अन्य राजाओं के पास है?' दूत बोला—'राजन्! आपके पास चित्रसभा नहीं है।' नीतिकारों का कथन है कि देवों की कार्यसिद्धि मन से चिन्तन करने मात्र से और राजाओं की कार्यसिद्धि वचनमात्र से हो जाती है—'मणसा देवाणं, वायाए पत्थिवाणं।' राजा ने तत्काल चित्रकारों को आमंत्रित किया। नगर के मुख्य चित्रकार आ गए। राजा ने चित्रसभा के लिए प्रायोजित भवन के पृथक्-पृथक् विभाग कर एक-एक चित्रकार को चित्र बनाने के लिए एक-एक विभाग सौंप दिया। वरदान प्रात चित्रकार को राजा के अन्त:पुर के क्रीड़ा-प्रदेश वाला भाग सौंपा गया। सभी चित्रकार अपने-अपने विभाग में चित्र करने लगे। वरदानप्राप्त चित्रकार भी क्रीडा-प्रदेश में यथानुरूप चित्र बनाने लगा। एक बार उसने जाली के अन्दर से महारानी मृगावती के पैर का अंगूठा देख लिया। उसने जान लिया कि यही रानी मृगावती है। उसने अंगुष्ठ के आधार पर महारानी का यथार्थ रूप चित्रित कर दिया। वह महारानी को खुली आंखें चित्रित कर रहा था। उस समय काले वर्ण की एक बूंद चित्रगत मृगावती की जंघा पर गिर पड़ी। चित्रकार ने उसे पोंछ डाला। चित्रांकन करते समय पुन: एक बूंद वहीं गिरी। चित्रकार ने उसे भी पोंछ डाला। तीन बार ऐसा ही हुआ। तब चित्रकार ने सोचा कि रानी को जंघा पर ऐसा चिह्न होना ही चाहिए। उसने जंघा पर वैसा ही चिह्न कर दिया।
सभी चित्रकारों ने अपना-अपना कार्य पूरा कर दिया। चित्रसभा निर्मित हो गई। राजा चित्रसभा देखने आया। अवलोकन करते—करते वह चित्रित क्रीडा-प्रदेश पर पहुंचा। उसने मृगावती का चित्र देखा। जंघा पर उस काले चिह्न को देखकर वह रुष्ट हो गया। उसकी भौंहें तन गई। उसने मन ही मन सोचा—'इस चित्रकार ने मेरी पत्नी से समागम किया है, अन्यथा यह चिह्न उसे कैसे ज्ञात होता?' यह सोचकर राजा ने उस चित्रकार के वध की आज्ञा दे दी। सभी चित्रकार राजा के पास आकर बोले—'राजन्! यह चित्रकार वरदान प्राप्त है। यह एक अवयव को देखकर पूरे रूप का चित्रण कर सकता है।' तब राजा ने परीक्षा के लिए एक कुब्जा को बुला भेजा और उसका केवल मुख चित्रकार को दिखाया। उसने उसके आधार पर कुन्जा का पूरा रूप बना दिया। फिर भी राजा ने चित्रकार के दाएं हाथ के अंगुष्ठ और तर्जनी के अग्रभाग का छेदन करवाकर उसको देश-निकाला दे दिया।
चित्रकार पुन: यक्षायतन में गया और एक उपवास कर यक्ष की आराधना की। यक्ष ने प्रसन्न होकर कहा—'जाओ, तुम अपने बाएं हाथ से भी पूर्ववत् चित्र बना सकोगे।' चित्रकार को वरदान मिल गया। उसके मन में महाराज शतानीक के प्रति प्रद्वेष हो गया। उसने सोचा—'शतानीक का शत्रु महाराजा प्रद्योत है अत: उसे उत्तेजित करना चाहिए। यह सोचकर चित्रकार ने एक फलक पर मृगावती का सुन्दर चित्र बनाया और उसे महाराजा प्रद्योत को दिखाया। प्रद्योत ने पूछा—'यह किसका चित्र है?' चित्रकार ने पूरी बात बताई। महाराजा प्रद्योत ने दूत को भेजकर शतानीक से मृगावती की मांग करते हुए कहा—'यदि तुम मृगावती को नहीं सौंपोगे तो मैं तुम्हारे राज्य पर आक्रमण कर दूंगा।' दूत कौशाम्बी गया और महाराजा शतानीक को प्रद्योत की बात कही। शतानीक ने दूत का तिरस्कार कर, उसे फटकार कर निकाल दिया। दूत प्रद्योत के पास आया। सारी बात सुनकर प्रद्योत अत्यन्त कुपित हो गया और उसने अपने सैन्यबल के साथ कौशाम्बी की ओर प्रयाण कर दिया।
महाराजा शतानीक का सैन्यबल कम था। उसने जब आक्रमण की बात सुनी तो वह अतिसार के रोग से ग्रस्त हो गया और उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। तब महारानी मृगावती ने सोचा—'मेरा पुत्र अभी बालक है। आक्रान्ता प्रद्योत इसको मार न डाले। यह अभी उसका सामना करने में समर्थ नहीं है। मृगावती ने तब दूत भेजकर महाराजा प्रद्योत से कहलवाया-'मेरा कुमार बालक है। हमारे चले जाने पर कोई सामन्त राजा आक्रमण कर इस नगर को बर्बाद कर देगा।' प्रद्योत ने कहलवाया-'मेरे रहते कौन राजा इस पर आक्रमण कर पाएगा?' मृगावती ने कहलाया-'सिरहाने सर्प है और सौ योजन को दूरी पर विषवैद्य हो तो वह क्या कर पायेगा? इसलिए यह आवश्यक है कि पहले नगरी को मजबूत बनाया जाए।' प्रद्योत बोला—'ऐसा ही करवा दूंगा।' मृगावती ने कहा—'उज्जयिनी की ईटें बहुत मजबूत होती हैं, उनसे परकोटा बनवाओ। प्रद्योत ने स्वीकार कर लिंया। चौदह राजा उसके अधीनस्थ थे। उनकी सेनाओं को इस कार्य के लिए नियुक्त कर दिया और एक-एक पुरुष को परंपरा से उज्जयिनी की ईटें कौशाम्बी पहुंच गईं। उन ईटों का परकोटा कर नगर को सुदृढ़ बना डाला। फिर मृगावती ने प्रद्योत से कहा—'अब नगरी को धन से समृद्ध करो।' प्रद्योत ने वैसा ही किया। अब कौशाम्बी आक्रमण का प्रतिरोध करने में सक्षम हो गई। तब मृगावती ने प्रद्योत की मांग को ठकुराते हुए सोचा—'वे सभी ग्राम, नगर, सन्निवेश आदि धन्य हैं, जहां भगवान् महावीर विहरण करते हैं। यदि भगवान् यहां पधारें तो मैं प्रव्रजित हो जाऊंगी।' भगवान् वहां समवसृत हुए। सारे वैर उपशान्त हो गए।
भगवान् का धर्मोपदेश चल रहा था। एक व्यक्ति ने भगवान् को सर्वज्ञ जानकर मन ही मन प्रच्छन्न रूप से एक प्रश्न पूछा। भगवान् ने जान लिया। वे बोले—'देवानुप्रिय! स्पष्टरूप से सबके सामने पूछो, अन्यान्य लोग भी इस प्रश्न को सुनकर सबोध प्राप्त करेंगे।' तब उस व्यक्ति ने पूछा—जा सा सा सा? भगवान् ने प्रश्न स्वीकार कर लिया। गौतमस्वामी ने तब पूछा—'भगवन्! इस व्यक्ति ने जो जा सा सा सा कहा, इसका तात्पर्य क्या है?' तब भगवान् ने उसकी 'उत्थानपर्यानिका' का पूरा कथन करते हुए कहा—
चंपा नगरी में एक स्वर्णकार रहता था। वह स्त्रीलोलुप था। वह पांच-पांच सौ स्वर्णमुद्राएं देकर सुन्दर कन्या से विवाह कर लेता था। इस प्रकार उसने पांच सौ कन्याओं के साथ विवाह कर लिया। उसने प्रत्येक के लिए तिलक प्रमुख चौदह-चौदह स्वर्णालंकार बनवाए। जिस दिन जिस कन्या के साथ वह भोग भोगता उसको वे अलंकार देता, शेष काल में नहीं। वह बहुत शंकालु था। घर को कभी खाली नहीं छोड़ता था और दूसरों को घर में आने नहीं देता था। एक बार एक मित्र ने उसको भोज का निमंत्रण दिया। वह मित्र के घर जाना नहीं चाहता था, फिर भी मित्र बलपूर्वक उसे भोजन के लिए घर ले गया। जब वह घर से चला गया तब उन पांच सौ कन्याओं ने सोचा—'हमें उस स्वर्णकार से क्या प्रयोजन? आज हम यथेच्छ स्नान आदि कर स्वर्णालंकार धारण करें।' सभी ने उद्वर्तन किया। स्नान कर उन चौदह प्रकार के अलंकारों को पहन कर सभी कन्याएं कांच में अपना रूप निहारती हुई बैठ गईं।
इतने में ही वह स्वर्णकार मित्र के घर से भोजन कर आ पहुंचा। उसने कन्याओं को देखा। अत्यंत रुष्ट होकर उसने एक को इतना पीटा कि वह मर गई। दूसरी विवाहित कन्याओं ने सोचा, यह हम सबको इसी प्रकार एक-एक कर मार डालेगा। अच्छा है, हम सब अपने-अपने कांच से मारकर इसको ढेर कर दें। सभी ने एक साथ उस पर कांच फेंके। चार सौ निन्यानवे काचों की मार से वह स्वर्णकार वहीं मर गया। वहां कांचों का ढेर हो गया। फिर उन सभी को पश्चात्ताप हुआ कि पतिमारक स्त्रियों की क्या गति होगी? संसार में हमें अवहेलना सहन करनी पड़ेगी। यह सोच घर के कपाटों को बंद कर चारों ओर अग्नि प्रज्वलित कर उन सभी ने अपनी-अपनी जीवन-लीला समाप्त कर ली। पश्चात्ताप तथा करुणा के कारण अकामनिर्जरा के फलस्वरूप वे सभी मनुष्यरूप में उत्पन्न हुई। अवस्था प्राप्त करने पर वे पांच सौ चोर बन गए और एक पर्वत पर रहने लगे। स्वर्णकार ने भी मर कर तिर्यञ्च योनि में जन्म लिया। स्वर्णकार ने जिस कन्या की हत्या पहले की थी, वह भी मर कर तिर्यञ्च योनि में गई। फिर वहां से मर कर वह एक ब्राह्मणकुल में बालक बनी। बालक पांच वर्ष का हुआ। उस स्वर्णकार का जीव भी तिर्यञ्चयोनि से उसी ब्राह्मणकुल में एक लड़की के रूप में उत्पन्न हुआ। वह बालक उस कन्या को उठाकर खेलता था, क्रीडा करता था। वह कन्या निरंतर रुदन करती तब वह ब्राह्मणपुत्र उसके उदर को पंपोलता। एक बार उसका हाथ लड़की की योनि को छू गया। लड़की ने रोना बंद कर दिया। लड़के ने सोचा कि मुझे उपाय मिल गया। अब जब कभी लड़की रोती, लड़का उसकी योनि पर धीरे से हाथ फेरता। माता-पिता को यह ज्ञात हुआ। तब उन्होंने बालक को पीटा और उपालंभ दिया। लड़की बड़ी हुई तब वह घर से भाग गई। लड़का भी घर से पलायन कर गया। दुर्जनों के सहवास से उस लड़के का आचार खराब हो गया। वह उस चोरपल्ली में पहुंचा, जहां वे चार सौ निन्यानवे चोर रहते थे। वह लड़को भी अकेली घूमती हुई एक गांव में पहुंची। उसी गांव में उन चोरों ने धावा बोला। उन चोरों ने उसको पकड़ लिया और पांच सौ चोर उसका उपभोग करने लगे। उन सब चोरों को यह आश्चर्य हुआ कि यह अकेली इतने चोरों को कैसे सहन कर पा रही है? यदि दूसरी स्त्री प्राप्त हो जाए तो बेचारी इसको छुटकारा मिल सकता है, विश्राम मिल सकता है। एक बार चोरों ने किसी दूसरी स्त्री को प्राप्त कर लिया। वे उसे अपनी पल्ली में ले आए। उसी दिन से वह ब्राह्मणपुत्री उसके छिद्र देखने लगी और सोचने लगी कि किस उपाय से इसको मारा जाए। एक दिन उसने उससे कहा—'देख, कूंए में कुछ दीख रहा है क्या?' वह कूंए में देखने लगी। उसको पीछे से धक्का मार कूंए में गिरा दिया। चोरों ने उससे पूछा—'वह कहां गई?' तब उस ब्राह्मणपुत्री ने कहा—'अपनी स्त्री की सार-संभाल क्यों नहीं करते?' चोरों ने सोचा—'इसी ने उसको मारा है। तब उस चोर बने ब्राह्मणपुत्र ने मन ही मन निश्चय कर डाला कि यह पापकर्म करने वाली मेरी भगिनी ही है। भगवान् महावीर सर्वज्ञ और सर्वदशी हैं, यह सुनकर वह ब्राह्मणपुत्र महावीर के समवसरण में उपस्थित हुआ। उसने ही भगवान् से पूछा—'जा सा सा सा' भगवान् ने कहा—'वह तुम्हारी भगिनी ही थी।' उसे वैराग्य उत्पन्न हुआ और वह प्रव्रजित हो गया। भगवान् ने 'जा सा सा सा' का स्पष्टीकरण कर दिया।' यह बात सुनकर परिषद् भी संवेग को प्रात हो गई।
रानी मृगावती भगंवान् के चरणों में उपस्थित होकर बोली—'भंते! मैं महाराजा प्रद्योत से पूछकर आपके पास प्रव्रजित होना चाहती हूं।' महारानी ने उस समवसरण में उपस्थित प्रद्योत से पूछा। देव और मनुष्यों से युक्त उस महान् परिषद् में प्रद्योत किंकर्त्तव्यविमूढ हो गया। वह नकारने में असमर्थ रहा। उसने मृगावती को प्रव्रज्या की अनुमति दे दी। तब मृगावती अपने पुत्र उदयनकुमार को धरोहर की भांति महाराज प्रद्योत को सौंपकर प्रव्रजित हो गई। प्रद्योत की अंगारवती आदि प्रमुख आठ रानियां भी दीक्षित हुईं। मुनि बने उस ब्राह्मणपुत्र ने पांच सौ चोरों को सबोध दिया और सबको प्रव्रजित कर दिया।
९. ( अ) अंधा और पंगु
एक महानगर में आग लग गयी। वहां दो अनाथ थे, जिनमें एक अंधा था और दूसरा पंगु। पंगु पलायनमार्ग को जानता हुआ भी चलने की असमर्थता के कारण अग्नि से जल गया। अंधा चलने का सामर्थ्य रखने पर भी पलायन मार्ग को नहीं देखने के कारण अग्नि से भरे एक गड्ढे में गिरकर जल गया।
(ब ) अंधा और पंगु
राजा के भय से नागरिक लोग एक अरण्य में इक्कट्ठे हो गए। वहां से भी डाकू के भय से वे लोग वाहनों को छोड़कर भाग गए। वहां दो अनाथ थे, जिनमें एक अंधा था तथा दूसरा पंगु। अरण्य में दावाग्नि लग गयी। अंधा व्यक्ति अग्नि वाले मार्ग से जाने लगा तब पंगु ने कहा—'भाई! तुम उधर मत जाओ क्योंकि उधर अग्नि है।' अंधे ने पूछा—'फिर मैं किधर जाऊं?' पंगु ने कहा—'मैं आगे अधिक दूर का मार्ग देखने में समर्थ नहीं हूं क्योंकि मैं पंगु हूं अत: चल नहीं सकता। तुम मुझे अपने कंधे पर बिठा लो जिससे सांप, कांटे, अग्नि आदि मार्ग-दोषों से रक्षा करता हुआ तुम्हें सुखपूर्वक नगर में प्रवेश करवा दूंगा।' अंधे ने पंगु की बात स्वीकार कर ली और वे दोनों सकुशल अपने नगर पहुंच गए।
१०. कुब्जा
प्रतिष्ठान नगर में शातवाहन नामक राजा राज्य करता था। वह प्रतिवर्ष भृगुकच्छ नगर में नरवाहन राजा पर चढ़ाई करता और वर्षाऋतु प्रारम्भ होने पर अपने नगर में लौट आता था। एक बार भृगुकच्छ जाते हुए राजा ने आस्थानमंडप में थूक दिया। उसके पास छत्रधारिणी एक कुब्जा स्त्री थी। थूकने के कारण उसने जाना कि अब यह भूमि अपरिभोग्य हो गई है। राजा कहीं अन्यत्र जाना चाहता है। राज्य का यानशालिक उस कुब्जा से परिचित था। उसने राजा का अभिप्राय यानशालिक को बताया। उस यानशालिक ने यान-वाहनों को साफ कर, म्रक्षित कर उन्हें प्रस्थित कर दिया। यह देखकर शेष सेना ने भी प्रस्थान कर दिया। राजा रथ में अकेला बैठा था। उसने धूल आदि के भय से प्रात: जाने की बात सोची। उसने देखा कि सारी सेना प्रस्थित हो चुकी है। उसने मन ही मन विचार किया कि मैंने किसी से कुछ नहीं कहा, फिर इन लोगों ने मेरे मन की बात कैसे जानी? उसने गवेषणा की। एक-दूसरे से पूछते-पूछते अंत में बात कुब्जा पर आकर टिको। राजा ने कुब्जा को बुलाकर उससे कारण पूछा। उसने राजा के सामने यथार्थ बात बता दी।
११. स्वाध्याय
एक मुनि रात्रि के प्रथम प्रहर में सूत्र का स्वाध्याय कर रहा था। जल्दी—जल्दी आगम-पाठों का पुनरावर्तन करते—करते काल अतिक्रान्त हो गया। उसे इसका भान नहीं रहा। एक सम्यग्दृष्टि देव ने सोचा—'किसी मिथ्यादृष्टि देव से यह छला न जाए इसलिए मुनि के हितार्थ उसने ग्वालिन का रूप बनाया। सिर पर छाछ से भरा घड़ा लेकर 'छाछ लो, छाछ लो' की आवाज देती हुई वह वहां से निकली। उसने मुनि के उपाश्रय के पास अनेक बार आवागमन किया। स्वाध्याय में बाधा पड़ने से मुनि ने स्वाध्याय को क्षणिक विराम देकर उससे कहा—'अरे! क्या यह छाछ बेचने की वेला है?' उस ग्वालिन ने पूछा—'मुने! क्या यह आगम-स्वाध्याय की वेला है?' साधु ने जब अस्वाध्याय-काल को जाना तब 'मिच्छामि दुक्कडं' किया। देवता ने मुनि को प्रेरणा देते हुए कहा—'आगे से अकाल में स्वाध्याय मत करना अन्यथा कोई भी मिथ्यादृष्टि देवता तुमको छल सकता है।' देवता की बात सुनकर मुनि सजग हो गए।
१२. बधिरोल्लाप
एक गांव में एक कुटुम्ब के सारे सदस्य बधिर थे। वह बधिर कुटुम्ब के नाम से प्रसिद्ध था। उसमें चार सदस्य थे—माता, पिता, पुत्र और पुत्रवधू। पुत्र खेत में हल जोतता था। एक दिन एक पथिक ने उससे मार्ग पूछा। उसने प्रत्युत्तर में कहा—'ये दोनों बैल मेरे घर में ही पैदा हुए हैं।' कुछ समय पश्चात् उसकी भार्या भोजन लेकर आई। पति बोला—'इन दोनों बैलों के सींग तीखे हैं।' वह बोली—'भोजन में नमक है या नहीं, मैं नहीं जानती। तुम्हारी मां ने ही भोजन पकाया है।' उसने घर आकर अपनी सास से कहा कि आपके पुत्र ने नमक की बात कही है। उसने सोचा यह मोटा कपड़ा कातने की बात कह रही है। सास बोली—'कपड़ा मोटा हो या खरदरा, स्थविर के अधोवस्त्र के रूप में काम आ जाएगा।' सास ने स्थविर को बुलाकर कहा कि यह मोटा कपड़ा आपके अधोवस्त्र के काम आएगा। वह स्थविर तिल की सुरक्षा कर रहा था, उसने सोचा यह मुझे तिल खाने की बात पूछ रही है। वह बोला—'मैं शपथपूर्वक कहता हूं कि मैंने एक भी तिल नहीं खाया।' यह अननुयोग का उदाहरण है।
९३. ग्रामीण
एक नगर में पति-पत्नी रहते थे। उनके एक पुत्र था। अचानक पति को मृत्यु हो गई। पत्नी अपनी आजीविका के लिए लकड़ियों का गट्ठर लाती, बेचती और जीवन चलाती थी। लोग मेरी निंदा करेंगे, इस भय से वह एक दिन अपने पुत्र को लेकर अन्यत्र चली गई। लड़का जब बड़ा हुआ तो उसने अपनी मां से पूछा—'मेरे पिता कहां हैं?' मां बोली—'तुम्हारे पिता स्वर्गस्थ हो गए हैं।' उसने पुन: पूछा—'मां! वे अपनी आजीविका कैसे चलाते थे?' मां बोली—'बेटे! वे दूसरों की सेवा करते थे।' पुत्र ने मां से कहा—'मैं भी सेवक बनूंगा।' मां बोली—'वत्स! तुम नहीं जानते कि सेवा कैसे की जाती है? सेवक कैसे बना जाता है? यदि तुम विनय करोगे तो तुम भी सेवा कर सकते हो?' पुत्र ने पूछा—'कैसा विनय करूं?' मां ने कहा—'वत्स! सुनो, स्वामी को जय-जयकार करना, उनको बड़ा मानना, स्वयं को नीचा मानना तथा उनकी इच्छानुकूल कार्य करना विनय है।'
बेटे ने मां की बात सुनी और वह सेवक बनने को धुन में एक नगर की ओर चल पड़ा। मार्ग में उसने देखा कि एक स्थान पर अनेक शिकारी मृगों को पकड़ने के लिए छुप कर बैठे हैं। उसने बाढस्वर से उनका जय-जयकार किया। उसके शब्दों को सुनकर सारे मृग पलायन कर गए। शिकारी बाहर आए और उसको पीटने लगे। उसने यथार्थ रूप से सारी बात बता दी। शिकारी बोले—'देखो, जब तुम्हें ऐसा अवसर प्रात हो तो तुमको धीरे-धीरे छुपते हुए जाना चाहिए, जोर से नहीं बोलना चाहिए। यदि कुछ कहना ही हो तो धीरे बोलना चाहिए।'
वह आगे बढ़ा। एक स्थान पर उसने धोबियों को कपड़े धोते देखा। उनको देखते ही वह छुपते हुए धीरे-धीरे कदम बढ़ाते हुए चलने लगा। उन रजकों के वस्त्र कभी-कभी चोरी हो जाते थे। वे अपने स्थान को सीमाबद्ध कर वस्त्रों की रक्षा करते थे। उन्होंने जब इसको धीरे-धीरे, छुपते-छुपते आते देखा तो उन्हें चोर की आशंका हुई। वे आए और उसे चोर समझकर बांध कर पीटा। उसने गिडगिड़ाते हुए उन्हें वस्तुस्थिति बतलाई। उन्होंने उसे बंधनमुक्त कर दिया और शिक्षा देते हुए कहा—'ऐसे अवसरों पर कहना चाहिए कि शुद्ध हो जाए, रिक्त हो जाए।'
आगे चलते हुए उसने देखा कि अनेक कृषक बीज बो रहे थे। उन्हे देखकर वह बोला 'शुद्ध हो जाए, रिक्त हो जाए।' यह सुनकर कृषकों ने उसे पकड़ कर पीटा। यथार्थ बात कहने पर उसे मुक्त करते हुए उन्होंने कहा—'ऐसे अवसरों पर यह कहना चाहिए कि ऐसे बहुत हो, सारी गाड़ी भर जाए।'
आगे चलने पर उसने देखा कि अनेक व्यक्ति एक मृतक को उठा कर ले जा रहे थे। उनके पास जाकर वह बोला—'ऐसे बहुत हों, इससे सारी गाड़ी भर जाए।' यह सुनकर उन लोगों ने उसे खूब पीटा। यथार्थ बात कहने पर लोगों ने उसे छोड़ दिया और समझाया कि ऐसी स्थिति पर यह कहो कि ऐसे अवसरों का अत्यंत वियोग होना चाहिए।
आगे बढ़ने पर उसे एक विवाह की टोली मिली। उसने उस टोली को देखते ही कहा—'ऐसे अवसरों का अत्यंत वियोग होना चाहिए।' ऐसे अशुभ शब्दों को सुनकर लोगों ने उसे पीटा। रोते-रोते उसने सही बात बताई। उन्होंने कहा—'ऐसे शुभ अवसरों पर अशुभ वचन नहीं बोलने चाहिए। इस स्थिति में कहना चाहिए कि ऐसा अवसर बार-बार देखने को मिले तथा यह स्थिति सदा बनी रहे।'
वह आगे बढ़ा। मार्ग में आरक्षिक पुरुष एक कैदी को सांकल से बांधकर ले जा रहे थे। उसको देखते ही वह बोल पड़ा-'ऐसा अवसर बार-बार देखने को मिले तथा यह स्थिति सदा बनी रहे।' आरक्षिकों ने उसे पीटते हुए कहा—'ऐसे व्यक्ति शीघ्र मुक्त हों, ऐसा कहना चाहिए।'
आगे उसने देखा कि एक स्थान पर अनेक मित्र मिलकर गोष्ठी कर रहे थे। उनको देखते ही वह बोल उठा-'आप सब लोग शीघ्र मुक्त हो जाएं अर्थात् अलग-अलग हो जाएं।' वहां भी उसे मार पड़ी। वहां से मुक्त होकर वह एक दंडिककुलपुत्र के घर गया और एक सेवक के रूप में रहने लगा।
एक बार दुर्भिक्ष में कुलपुत्र के घर राबड़ी रांधी गई। कुलपुत्र की वधू ने उससे कहा—'तुम जाओ, लोगों के बीच बैठे कुलपुत्र को बुला लाओ।' उन्हें कहना-'राबड़ी ठंडी होने पर खाने लायक नहीं रहेगी अत: जल्दी आकर खा लो।' उसने जाकर कुलपुत्र से कहा—'घर शीघ्र चलो। राबड़ी ठंडी हो रही है।' लोगों के बीच ऐसा कहने पर कुलपुत्र लज्जित हुआ। घर पहुंचने पर उसने उस सेवक को उपालंभ देते हुए कहा—'ऐसे कार्य को कान में धीरे से कहना चाहिए।' सेवक बोला—'आगे से ध्यान रखूंगा।'
एक बार कुलपुत्र के घर में आग लग गई। वह सेवक दौड़ा-दौड़ा गया और कुलपुत्र के कान में धीरे से बोला—'घर में आग लग गई है।' इस विलंब में घर जलकर राख हो गया। दंडिकपुत्र ने उपालंभ दिया। उसे ताडि़त करते हुए कहा—'ऐसे अवसरों पर स्वामी को बताने के लिए दौड़धूप नहीं करनी चाहिए। स्वयं ही पानी से आग बुझाने का प्रयत्न करना चाहिए। गोरस आदि फेंक कर भी ज्यों-त्यों आग को बुझाना चाहिए।' एक बार कुलपुत्र धूम्रपान कर रहा था। सेवक ने उसे आग समझ कर बुझाने के लिए गोबर आदि फेंका। जो दूसरों के कहने पर अन्य कार्य करता है, वह अननुयोग है।
१४. श्रावकभार्या
एक श्रावक ने अपनी पत्नी की सखी को आभूषण आदि से सजा हुआ देखा। वह उसके रूप में आसक्त हो गया और उसकी स्मृति में दिनोंदिन दुर्बल होने लगा। पत्नी ने हठपूर्वक दुर्बल होने का कारण पूछा। उसने अपने मन की बात बता दी। पत्नी बोली—'तुम चिन्ता मत करो। मैं उसको आपके पास ला दूंगी।' पति विश्वस्त हो गया। एक दिन पत्नी अपनी सखी के वस्त्राभूषण पहनकर अंधकार में पति के साथ सो गई पति ने अपनी इच्छा पूरी की। दूसरे दिन वह एकपत्नी व्रत खंडित हो जाने के कारण अत्यंत दु.खी हो गया। पत्नी ने तब प्रमाणपूर्वक उसे विश्वास दिलाया कि सखी के रूप में वह स्वयं ही थी।
१५. साप्तपदिक
किसी सीमान्त गांव में एक साप्तपदिक सेवक मनुष्य रहता था। वह साधु और ब्राह्मणों को न सुनता, न उनकी सेवा करता और न उनको आवास-स्थान ही देता था। वह मानता था कि उनको सम्मान देने से वे मेरे घर आएंगे, मुझे धर्म की बात कहेंगे। उनकी बात सुनकर में श्रद्धालु न हो जाऊं अत: अच्छा है उनसे दूर ही रहूं। एक बार उस गांव में साधु आ गए। उन्होंने रहने के लिए स्थान मांगा। साप्तपदिक के मित्रों ने सोचा कि वह स्थान नहीं देता। वह भी इन साधुओं से प्रवंचित हो, ऐसा सोचकर उन्होंने साधुओं को साप्तपदिक का घर बताते हुए कहा—'वह आपको स्थान अवश्य देगा क्योंकि वह तुम्हार भक्त श्रावक है। साधु वहां गए। उन्होंने स्थान के लिए पूछा परन्तु उसने साधुओं को कोई आदर नहीं दिया।' तब एक साधु ने कहा—'हम कहीं दूसरे के घर तो नहीं आ गए। हमें तो कहा गया था कि वह श्रावक ऐसा है, वैसा है। हम तो ठगे गए।' यह सुनकर साप्तपदिक ने सारी बात पूछी। उत्तर देते हुए मुनि ने कहा—'अभी एक मित्र ने आपके विषय में बहुत कुछ बताया था, इसीलिए हम यहां आए हैं।' यह सुनकर उसने सोचा, 'अकार्य हो गया। मैं भले ही ठगा जाऊं, पर साधुओं की कैसी प्रवंचना!' उसने मुनियों से कहा—'मैं आपको स्थान दे सकता हूं, परन्तु आपको एक व्यवस्था रखनी होगी कि आप मुझे कभी धर्म का उपदेश नहीं देंगे।' साधुओं ने कहा—'ठीक है।' उसने रहने के लिए साधुओं को स्थान दे दिया। चातुर्मास प्रारंभ हुआ। धर्मदेशना चलती रही। चातुर्मास पूर्ण होने पर साप्तपदिक ने धर्म पूछा। मुनियों ने धर्मवार्ता सुनाई परन्तु साप्तपदिक कुछ भी परित्याग करने में समर्थ नहीं हुआ। न वह मूलगुण-उत्तरगुण विषयक व्रत लेना चाहता था और न मद्य-मांस और मधु की विरति ही करना चाहता था, तब मुनि बोले—'तुम साप्तपदिक व्रत ग्रहण करो अर्थात् जिसको तुम मारना चाहो, उसे मारने से पूर्व सात कदम पीछे चलने में जितना समय लगे उतने समय की प्रतीक्षा करने के पश्चात् ही किसी को मारना। यह व्रत उसने स्वीकार कर लिया। साधुओं ने जान लिया कि यह एक न एक दिन सबुद्ध होगा। साधु वहां से अन्यत्र चले गए।
एक बार वह चोरी करने घर से निकला। मार्ग में अपशकुन हो जाने के कारण वह वापस घर की ओर लौटा। चलते-चलते वह रात्रि में घर आया और मंद गति से घर में घुसा। उस दिन उसकी बहिन वहां आई थी और वह पुरुषवेश में अपनी भाभी के साथ नृत्यविशेष को देखने गई थी। देर रात से घर लौटने पर वह भाभी के साथ उसी पुरुषवेश में सो गई! साप्तपदिक ने देखा कि उसकी पत्नी किसी पर-पुरुष के साथ सो रही है। वह क्रोध से उबल पड़ा और मारने के लिए तलवार बाहर निकाली। इतने में ही गृहीत व्रत की स्मृति हो आई। वह सात कदम पीछे हटा। इतने में ही भगिनी की बाहु पर भार्या का सिर आक्रान्त हुआ। भगिनी की नींद उड़ गई। वह बोली—'भाभी मेरी भुजा दु:खने लगी है अत: तुम अपना सिर उठाओ।' साप्तपदिक ने भगिनी के स्वरों को पहचान लिया। उसने मन ही मन लज्जा का अनुभव किया कि मैंने पुरुषवेश में इसे पर-पुरुष मान लिया। यदि व्रत नहीं होता तो आज अनर्थ हो जाता। प्रतीक्षा करने के कारण आज मैं अनर्थ से बच गया। वह सबुद्ध होकर प्रव्रजित हो गया।
१६. कोंकण देश का बालक
कोंकण देश में पिता-पुत्र रहते थे। बालक की मां मर गई। पिता दूसरा विवाह करना चाहता था किन्तु सपत्नी-पुत्र के कारण कोई भी महिला विवाह करने के लिए तैयार नहीं होती थी। एक दिन पिता और पुत्र दोनों लकड़ी लाने जंगल में गए। पिता ने सोचा—'मुझे अपने इस पुत्र के कारण विवाह करने योग्य स्त्री नहीं मिल रही है अत: मुझे इसे मार डालना चाहिए।' यह सोचकर पिता ने बाण को दूर फेंक कर पुत्र से कहा—'जा, वह बाण ले आ।' पुत्र बाण लाने दौड़ा। पिता ने पीछे से दूसरा बाण फेंका। बाण लगने पर पुत्र ने पूछा—'पिताजी क्या आपने बाण फेंका? मुझे वह लगा।' पिता ने पुन: बाण फेंका। पिता को बाण फेंकते देख पुत्र रोने लगा। पिता ने बाणों द्वारा उसको मार डाला।
१७. नेवला
एक चारक की पत्नी गर्भवती हुई। उसने एक पुत्र का प्रसव किया। उसी दिन एक मादा नेवला ने भी प्रसव किया। चारक की पत्नी ने सोचा कि मेरे पुत्र के लिए यह नेवला शिशु एक खिलौना बना रहेगा। यह सोचकर वह उसको यथेष्ट मात्रा में दूध आदि पिलाने लगी। एक बार चारक पत्नी ने धान कूटने के लिए जाते समय अपने पुत्र को मंचिका पर सुला दिया। वह चली गई। इतने में ही एक सर्प मंचिका पर चढ़ा और बालक को डस दिया। बालक मर गया। मंचिका से उतरते समय सर्प को नेवले ने देख लिया। वह उस पर झपटा और उसके टुकड़े-टुकड़े कर डाले और रक्त से सने मुंह से चारक-पत्नी के पास जाकर चरणों में लोटने लगा। चारक पत्नी ने सोचा—'इसने मेरे पुत्र को मार डाला है।' तब उसने आवेश में मूसल से उसको आहत कर मार डाला। वह दौड़ती हुई पुत्र के पास गई और खंड-खंड हुए सर्प को देखा। अब उसका दु:ख दुगुना हो गया।
१८. कमलामेला
द्वारिका नगरी में बलदेव का पुत्र निषध रहता था। उसके प्रभावती रानी से सागरचन्द्र नामक पुत्र हुआ, जो अत्यन्त रूपवान् था। शांब आदि सभी के लिए वह प्रीतिपात्र था। उसी नगरी के वास्तव्य एक राजा की कन्या कमलामेला बहुत सुन्दर थी। उसका वाग्दान (सगाई) महाराज उग्रसेन के पोते धनदेव के साथ हुआ था। एक दिन नारद सागरचन्द्र के पास आए। सागरचन्द्र ने उनका स्वागत किया और आसन-प्रदान कर पूछा—'भगवन्! कहीं आपने कुछ आश्चर्य देखा है?' नारद बोले—'हां, देखा है।' 'कहां और कैसा आश्चर्य देखा?' सागरचन्द्र ने पूछा। नारद बोले—'यहीं द्वारिका नगरी में कमलामेला कन्या एक आश्चर्य है।' सागरचन्द्र ने पूछा—'क्या उसका वाग्दान हो चुका है?' 'हां—नारद ने कहा। सागरचन्द्र ने कहा—'प्रभो! उसका मेरे साथ सम्बन्ध कैसे हो सकता है? 'मैं नहीं जानता' ऐसा कहकर नारद ऋषि वहां से चले गए। सागरचन्द्र नारद का कथन सुनकर खिन्न हो गया। वह न शांति से बैठ सकता था और न सो सकता था। अब वह एक फलक पर कमलामेला का चित्र बनाता हुआ उसके नाम की रटन लगाने लगा।
कलह का कारण खोजते हुए नारद कमलामेला के पास पहुंच गए। उसने भी पूछा—'भंते! क्या आपने कोई नया आश्चर्य देखा है?' नारद बोले—'दो आश्चर्य देखे हैं। रूप में बलदेव का पुत्र सागरचन्द्र और विरूपता में उग्रसेन का पौत्र धनदेव।' इतना कहकर नारद वहां से भी चले गए। यह सुनकर कमलामेला सागरचन्द्र के प्रति मोहग्रस्त तथा धनदेव के प्रति विरक्त हो गई। उसने नारद से पूछा—'क्या सागरचन्द्र मेरा पति हो सकता है?' नारद ने उसे आश्वासन दिया कि मैं तुम्हारे साथ उसका संयोग कराऊंगा। कमलामेला का चित्र पट्टिका पर बनाकर नारद सागरचन्द्र के पास गया।
नारद ने सागरचन्द्र के पास जाकर कहा—'कमलामेला तुम्हें चाहती है।' तब सागरचन्द्र की माता तथा अन्य कुमार खिन्न होकर दु:ख करने लगे। इतने में ही शांब आया और उसने सागरचन्द्र को विलाप करते हुए देखा। तब शांब ने उसके पीछे जाकर उसकी दोनों आंखें अपनी हथेलियों से ढंक दीं। सागरचन्द्र बोला—'कमलामेला।' शांब ने कहा—'मैं कमलामेला नहीं, कमलामेल हूं सागरचन्द्र बोला—'अच्छा, अब तुम ही मुझे विमलकमल नेत्रों वाली कमलामेला से मिलाओगे क्योंकि महापुरुष सत्यप्रतिज्ञ होते हैं।' तब अन्य कुमारों ने शांब को मद्य पिलाया। जब वह मदिरा से मत्त हो गया तब उससे यह स्वीकृति ले ली कि वह कमलामेला से सागरचन्द्र को मिला देगा। शांब का नशा उतरा तब उसने सोचा—'ओह! मैंने झूठा वादा कर लिया। क्या अब इससे इन्कार हुआ जा सकता है? अब तो मुझे इसका निर्वाह करना ही होगा।'
शाम्ब ने प्रद्युम्न से अतिशायी प्रज्ञप्ति विद्या की मांग की। उसने शाम्ब को विद्या प्रदान कर दी। कमलामेला के विवाह के दिन अपनी विद्या से उसने कमलामेला का प्रतिरूप बनाकर रख दिया और कमलामेला का अपहरण कर लिया। रेवत उद्यान में सागरचन्द्र के साथ कमलामेला का विवाह कर दिया गया। वे दोनों वहीं क्रीड़ारत रहने लगे। विद्या से बनाई गयी कमलामेला की प्रतिकृति का विवाह होने पर अट्टहास करती हुई वह उड़ गयी। यह देखकर सभी क्षुब्ध हो गए। कमलामेला का अपहरण किसने किया यह ज्ञात नहीं हो सका। नारद को पूछने पर उसने कहा—'मैंने कमलामेला को रेवत उद्यान में देखा था। किसी विद्याधर ने उसका अपहरण किया है।' तब सेना के साथ कृष्ण कमलामेला की खोज के लिए निकले। शाम्ब विद्याधर का रूप बनाकर युद्ध करने लगा। सारे राजाओं को शाम्ब ने पराजित कर दिया। फिर वह कृष्ण के साथ युद्ध करने लगा। जब शाम्ब ने देखा कि पिताश्री रुष्ट हो गए हैं तो वह श्रीकृष्ण के चरणों में गिर पड़ा। शाम्ब ने श्रीकृष्ण को कहा—'मैंने कमलामेला को गवाक्ष से आत्महत्या करते देखा इसलिए मैंने कमलामेला का अपहरण किया है।' तब श्रीकृष्ण ने उग्रसेन को समझाया।
एक बार भगवान् अरिष्टनेमि वहां समवसृत हुए। कमलामेला और सागरचन्द्र ने भगवान् से धर्म सुनकर अणुव्रत स्वीकार किए और श्रावक बन गए। सागरचन्द्र अष्टमी, चतुर्दशी आदि को शून्यघरों और श्मशानगृह में एकरात्रिकी प्रतिमा करने लगा।
धनदेव को जब यह बात ज्ञात हुई तो उसने तांबे की तीक्ष्ण सुइयों का निर्माण करवाया और शून्यगृह में प्रतिमा में स्थित सारगचन्द्र की बीसों अंगुलियों में सुझयां ठोक दीं। सम्यक्प रूप से समतापूर्वक वेदना सहन करते हुए वह कालगत होकर देव बना। सागरचन्द्र की चारों ओर खोज होने लगी। खोजते हुए सागरचन्द्र की अंगुलियों में तांबे की सुइयां देखीं। तांबे को कूटने वाले से ज्ञात हुआ कि इन सुइयों का निर्माण धनदेव ने करवाया था। रुष्ट होकर राजकुमारों ने धनदेव की खोज की। दोनों की सेनाओं में युद्ध होने लगा। युद्ध देखकर देवरूप सागरचन्द्र ने उन दोनों को उपशान्त किया। कमलामेला विरक्त होकर भगवान् के पास प्रव्रजित हो गयी।
१९. शांब का साहस
जम्बूवती ने कृष्ण से कहा—'मैंने अपने पुत्र शांब की एक भी भूल नहीं देखी।' कृष्ण बोले—'आज मैं तुम्हें उसकी भूल दिखाऊंगा।' कृष्ण और जम्बूवती—दोनों ने ग्वाले और ग्वालिन का रूप बनाया। दोनों तक्र लेकर द्वारिका में आए और छाछ बेचने लगे। शांब ने उन्हें देखा और पास आकर ग्वालिन से बोला—'चलो, मैं तुम्हारी छाछ खरीद लूंगा।' ग्वालिन शांब के पीछे-पीछे चली। ग्वाला भी पीछे चला। शांब ने एक देवकुल में प्रवेश किया। ग्वालिन बोली—'मैं अन्दर नहीं आऊंगी। मूल्य दो और यहीं तक्र ले लो।' शांब बोला—'तुमको अवश्य ही अन्दर आना होगा।' वह अंदर जाना नहीं चाहती थी। शांब ने तब उसका हाथ पकड़ लिया। ग्वाला दौड़ कर आया और शांब से लड़ने लगा। शांब भी ग्वाले से उलझ गया। इतने में ही ग्वाले ने अपना रूप बदला। वह वासुदेव कृष्ण हो गया और ग्वालिन जम्बूवती हो गई। शांब लज्जा से शिरोवगुंठन कर भाग गया।
दूसरे दिन शांब बलात् लाई हुई एक कौलिका को ठीक करते हुए बैठा था। वासुदेव को देखकर वह उठा और जय-जयकार किया। वासुदेव ने पूछा—'क्या घड़ रहे हो?' शांब बोला—'कल जो घटना घटी थी, उस विषय में जो कोई कुछ कहेगा, उसके मुंह में यह कील ठोक दूंगा।'
२०. श्रेणिक का क्रोध
राजगृह में राजा श्रेणिक राज्य कर रहा था। उसकी रानी का नाम चेलना था। एक बार वह चरम तीर्थंकर भगवान् वर्द्धमान को वन्दना कर विकाल में लौट रही थी। उस समय माघ मास प्रवर्तित था। उसने मार्ग में एक प्रतिमाप्रतिपन्न मुनि को देखा। वह प्रासाद में आकर अपने शयनागार में सो गई।, रात्रि में अचानक उसका हाथ रजाई से बाहर आ गया। जब ठंड बढ़ी तो उसका हाथ सुन्न हो यया। वह जागृत हुई और अपना हाथ रजाई के भीतर खींच लिया। हाथ के कारण उसका पूरा शरीर ठंड से आक्रान्त हो गया। तब उसने कहा—'वह तपस्वी अब क्या करता होगा?' श्रेणिक ने यह सुना और सोचा—'रानी द्वारा संकेतित यह कोई पर-पुरुष है।' राजा रुष्ट हो गया। दूसरे दिन उसने अभय से कहा—'अन्त:पुर को शीघ्र आग लगा दो।' आज्ञा देकर श्रेणिक भगवान् की उपासना करने चला गया। अभय ने पुरानी हस्तिशाला में आग लगा दी। श्रेणिक ने परिषद् के बीच भगवान् से पूछा—'भंते! चेलना एकपति वाली है अथवा अनेक पतिवाली?' भगवान् बोले—'एक पतिवाली।' यह सुनते ही श्रेणिक शांत हुआ। अभयकुमार अन्त:पुर में आग न लगा दे, इसलिए वह त्वरा से भगवान् को वन्दन कर अपने प्रासाद की ओर लौटा। अभय उसे मार्ग में मिला! श्रेणिक ने पूछा—'अभय! क्या आग लगा दी?' अभय बोला—'हां राजन्!' श्रेणिक ने तब व्याकुल होकर कहा—'तुम भी उस अग्न में प्रविष्ट क्यों नहीं हो गए?' अभय बोला—'राजन्! मुझे अग्नि से क्या प्रयोजन! मैं तो प्रव्रज्या ग्रहण करूंगा।' अभयकुमार ने सोचा—राजा भी कहीं दु:ख से प्राण न त्याग दे इसलिए वह बोला—'राजन्! मैंने अन्त:पुर को आग नहीं लगाई, हस्तिशाला को ही जलाया है।' राजा प्रसन्न हो गया
२१. रोगग्रस्त गाय
एक धूर्त्त्त के पास एक बहुक्षीरा गाय थी। वह रोगग्रस्त होने के कारण उठ नहीं सकती थी। एक व्यक्ति ने उस बैठी हुई गाय को पचास रुपयों में खरीद लिया। गाय बेचकर वह धूर्त्त भाग गया। खरीदने के पश्चात् उस व्यक्ति को यह ज्ञात हुआ कि वह रोगिणी थी। उसने उस गाय को बेचना चाहा। ग्राहक आते और कहते-'भाई! गाय को चला कर दिखाओ, फिर हम खरीदेंगे।' वह कहता—'मैंने भी गाय को बैठी हुई ही खरीदा था। यदि आपको गाय पसंद हो तो बैठी हुई को ही खरीद लें।' उन्होंने कहा—'तुम ठगे गए तो क्या हम भी ठगे जाएंगे?'
२२. चन्दनकन्था
द्वारिका नगरी में वासुदेव के पास तीन प्रकार की भेरियां थीं—सांग्रामिकी, आभ्युदयिकी तथा कौमुदिकी। तीनों प्रकार की भेरियां गोशीर्षचन्दन से बनी हुई तथा देवताधिष्ठित थीं। वासुदेव के पास चौथी भेरी थी, जो अशिव का उपशमन करने में समर्थ थी। उसकी प्राप्ति का वृत्तान्त इस प्रकार है—
एक बार इन्द्र ने देवसभा में वासुदेव का गुणोत्कीर्तन करते हुए कहा—'अहो! उत्तम पुरुषों के गुणों को क्या कहा जाए? वे अवगुण ग्रहण नहीं करते तथा अधर्म युद्ध नहीं करते।' देवसभा में उपस्थित एक देव ने इन्द्र के कथन पर विश्वास नहीं किया। वह परीक्षा करने वासुदेव के पास आया। उस समय वासुदेव भगवान् को वंदना करने के लिए प्रस्थित हो रहे थे। देवता मरे हुए, सड़े-गले, दुर्गन्ध युक्त एक काले कुत्ते का रूप बनाकर मार्ग के पास लेट गया। उसकी दुर्गन्ध से सभी लोग भाग गए। वासुदेव ने कुत्ते के कलेवर को देखकर कहा—'अहो! काले वर्ण के कुत्ते पर सफेद दांत कितने सुन्दर लग रहे हैं।' देवता ने सोचा—'सच है, सच है, वासुदेव वस्तुत: गुणग्राही हैं। फिर वह देवता वासुदेव के अश्वरत्न को लेकर भाग गया। अश्वपालक ने यह देख लिया। वह रुष्ट हो गया। अनेक कुमार और राजा अश्व-हरण करने वाले के पीछे दौड़े। देवता ने उन सबको हत-विहत कर भगा दिया। वासुदेव भी अश्व को मुक्त कराने निकले। उन्होंने कहा—'अरे! तुम मेरे अश्व का अपहरण क्यों कर रहे हो?' देवता बोला—'अश्व लेना चाहते हो तो पहले मुझे पराजित करो।' सुदेव बोले—'ठीक है, पर हम कैसे युद्ध करें? तुम भूमि पर हो और मैं रथ पर आरूढ़ हूं, तुम भी रथ ग्रहण कर लो।' देव बोला—'रथ को रहने दो।' वासुदेव के कहने पर भी देवता अश्व, हाथी सभी का निषेध करता रहा। अन्त में वह बोला—'मैं भूमि पर ही हूं। तुम रथ पर आरूढ़ होकर मेरे से युद्ध करो।' तब वासुदेव बोले—'मैं पराजित हो गया। तुम अश्वरत्न ले जाओ। मैं निम्नस्तर का युद्ध नहीं करता।' देवता संतुष्ट हुआ और बोला—'महानुभाव! कोई वरदान मांगो, में तुम्हें क्या दूं?' वासुदेव ने कहा—'यदि वरदान देना ही चाहते हैं तो मुझे अशिवोपशमनी भेरी दें।' देवता ने वासुदेव को वह भेरी दे दी।
वह अशिवोपशमनी भेरी छह-छह माह में एक बार बजाई जाती थी। उत्पन्न रोग और व्याधियां उससे शान्त हो जातीं और जो उसके शब्द सुन लेता उसके छह मास तक नए रोग उत्पन्न नहीं होते।
एक बार एक वणिक् भेरीपालक के पास आया। वह दाहज्चर से अत्यंत पीड़ित था। वैद्य ने उसे गोशीर्ष चंदन लगाने को कहा। उसने भेरीपालक से कहा—'तुम लाख मुद्राएं लो और मुझे भेरी का एक टुकड़ा दो।' भेरीपालक ने लोभ में आकर भेरी का एक टुकड़ा उसे दे दिया और भेरी को चंदन का दूसरा टुकड़ा लगा दिया। उसके बाद जो कोई मांगता वह उसे भेरी के टुकड़े दे देता। अब वह भेरी चंदन की थेगली लगी भेरी बन गई। एक बार द्वारिका में अशिव—महामारी का प्रकोप हुआ। वासुदेव ने उस भेरी को बजाया। उसकी ध्वनि सभा तक भी नहीं पहुंच सकी। वासुदेव बोले—भेरी को दिखाओ। भेरी को थिग्गलमयी देखकर वासुदेव ने भेरीपालक का वध करवा दिया। तेले की तपस्या कर वासुदेव ने देव की आराधना की और दूसरी भेरी प्राप्त की। दूसरे भेरीपालक की नियुक्ति हुई। वह अपनी आभा की भांति भेरी को रक्षा करता था। अपनी कार्यनिष्ठा से वह पूजित हुआ।
२३. चेटी-सखी
बसन्तपुर नगर के जीर्णश्रेष्ठी और नवक सेठ की दोनों पुत्रियां आपस में सखियां थीं। उनमें परस्पर प्रीति थी फिर भी जीर्णसेठ की पुत्री के मन में द्वेष था क्योंकि वह सोचती थी कि यह नवक सेठ को पुत्री उससे अधिक सुन्दर है। एक बार वे दोनों कहीं स्नान करने गई। नवक सेठ की पुत्री तिलक आदि चौदह आभूषणों से अलंकृत थी। वह अपने सभी आभूषणों को तालाब के तट पर रखकर पानी में उतरी। जीर्णसेठ की पुत्री उन आभूषणों को लेकर दौड़ गई। नवक सेठ की पुत्री ने सोचा कि यह ऐसे ही क्रीड़ा कर रही है। जीर्णसेठ की पुत्री ने घर जाकर माता-पिता से सारी बात कही। माता पिता ने उसे चुपचाप बैठने को कहा। नवक सेठ की पुत्री स्नान से निवृत्त होकर घर गई। उसने सारी बात माता-पिता से कही। उन्होंने जीर्णसेठ की पुत्री से आभूषण मांगे। उसने देने से इन्कार कर दिया। जीर्णसेठ की पुत्री बोली—'यह रूप में मुझसे सुंदर हो सकती है इसका मतलब यह नहीं कि मेरे पास आभूषण नहीं हैं।' तब नवक सेठ राज-दरबार में यह शिकायत लेकर गया। इस घटना का कोई साक्षी नहीं था। न्यायकर्त्ताओं ने कहा—'दोनों सखियों को बुलाया जाए।' वे दोनों उपस्थित हुईं। न्यायकर्त्ता ने जीर्ण सेठ की पुत्री से कहा—'यदि आभूषण तुम्हारे हैं तो तुम तिलक आदि सभी आभूषणों को धारण करके दिखाओ। जीर्णसेठ को पुत्री उन आभूषणों को पहनने लगी। जो हाथ का आभूषण था उसे पैर में और पैर के को हाथ में पहनने लगी। वह जानती नहीं थी अत: एक भी आभूषण नहीं पहन सकी। तब न्यायकर्त्ताओं ने जान लिया कि ये आभूषण इसके नहीं हैं। उन्होंने नवकसेठ की पुत्री से कहा—'तुम पहन कर दिखाओ।' उसने सभी आभूषण यथास्थान पहन लिए। फिर उन्होंने कहा—इन्हें खोलकर दिखाओ। उसने क्रमश: एक-एक कर सभी आभूषण निकाल दिए। तब न्यायकर्त्ताओं ने जीर्णसेठ को दंडित किया। एक प्रकार से उसकी जीते जी मृत्यु हो गई।
२४. टंकणक
उत्तरापथ में टंकण नामक म्लेच्छ रहते थे। वे स्वर्ण का विनिमय कर दक्षिणापथ के भांडों—वस्तुओं को खरीदते थे। वे एक-दूसरे की भाषा नहीं जानते थे अत: वे एक ओर स्वर्ण का ढेर रख देते और उस पर हाथ रख देते। जब तक विनिमय की इच्छा पूरी नहीं होती, तब तक हाथ रखे रहते। इच्छा पूरी होने पर हाथ उठा लेते। विनिमय हो जाता।
२५. शैलघन
मुद्गशैल और जम्बूद्वीपप्रमाण पुष्कलसंवर्तक नामक महामेघ में नारदस्थानीय किसी व्यक्ति ने परस्पर कलह पैदा कर दिया। वह मुद्गशैल से बोला—'तुम्हारा नाम लेते ही पुष्कलसंवर्तक मेघ कहता है कि मैं एक ही धारा में उसे आर्द्र बना सकता हूं।' यह सुनकर मुद्गशैल क्रोधवश बोला—'यदि वह मेरा तिलतुषमात्र अंश भी आर्द्र कर देगा तो मैं अपना नाम बदला लूंगा।' पुष्कलसंवर्तक मेघ के पास जाकर उसने मुद्गशैल की बात कही। वह कुपित होकर युगप्रमाण धाराओं के साथ पूर्ण उत्साह से बरसने लगा। सात दिन-रात बरसने के पश्चात् उसने सोचा कि अब मुद्गशैल पिघल गया होगा। पानी के निकल जाने पर मुद्गशैल चमकता हुआ उज्ज्वलतर हो गया। तिलतुषमात्र भी न खंडित हुआ और न ही आर्द्र हुआ। पुष्कलसंवर्तक मेघ को सामने देखकर वह बोला—'नमस्कार!' मेघ लज्जित होकर चला गया।
२६. गाय
एक धार्मिक व्यक्ति ने चतुर्वेदी चार ब्राह्मणों को एक गाय दान में दी। उन्होंने परस्पर यह व्यवस्था की कि चारों बारी-बारी से गाय को दुहेंगे और उसकी रक्षा करेंगे। सबने यह व्यवस्था स्वीकार कर ली। पहले वाले ब्राह्मण ने सोचा—'मुझे आज ही दुहना है, कल दूसरा दुहेगा। मेरा इस गाय को चारा-पानी देने से क्या प्रयोजन?' उसने गाय को चारा-पानी नहीं दिया। शेष तीनों ने भी ऐसे ही सोचा। चारा-पानी न मिलने से गाय मर गई। ब्राह्मणों की निन्दा हुई। उसके कारण दान का व्यवच्छेद हो गया।
अन्य चार ब्राह्मणों ने भी दान में गाय मिलने पर सोचा—चारा डालने से गाय की पुष्टि होगी, सबको दूध मिलेगा। सबका एक दूसरे पर अनुग्रह रहेगा। गाय का पोषण करने से उन्हें गाय का दूध मिला और गांव में अपकीर्ति भी नहीं हुई।
२७. (अ) आभीर दंपति
एक आभीर दंपति शकट में घी के घड़े लेकर नगर में बेचने गया। बिक्री प्रारंभ हुई। आभीर गाड़ी के ऊपर और आभीरी गाड़ी के नीचे खड़ी थी। आभीर घी के घड़े उठाकर आभीरी को देता और वह उसे जमीन पर रख देती। देते या लेते समय ध्यान न रहने से एक घड़ा हाथ से छूटा और वह फूट गया। आभीरी बोली—'अरे ग्रामीण! यह तूने क्या किया?' आभीर बोला—'तुम उन्मत्त हो। देखती कहीं हो और ग्रहण कहीं करती हो।' तुम्हारे प्रमाद से ही यह घड़ा छूटा है। इस प्रकार वे दोनों लड़ने लगे और एक दूंसरे को खींचने-पीटने लगे। अन्य घड़े भी नीचे गिर कर फूट गए। वे रात्रि में अपने गांव की ओर प्रस्थित हुए। रास्ते में उनके बैलों का हरण कर चोर ले गए। चोरों ने उनके रुपये भी लूट लिए।
(ब) आभीर दंपति
एक आभीर दंपति शकट में घी के घड़े लेकर नगर में बेचने गया। बिक्री प्रारंभ हुई। आभीर गाड़ी के ऊपर और आभीरी गाड़ी के नीचे खड़ी थी। आभीर घी के घड़े उठाकर आभीरी को देता और वह उसे जमीन पर रख देती। देते या लेते समय ध्यान न रहने से एक घड़ा हाथ से छूटा और वह फूट गया। आभीर शकट से तत्काल नीचे उतरा। दोनों ने जल्दी—जल्दी भूमि पर गिरे घी को करों से ग्रहण कर लिया। प्राय: घी एकत्रित हो गया। कुछ ही नष्ट हुआ। आभीर ने कहा—'मैंने घड़े को अच्छी तरह से नहीं पकड़ाया इसलिए वह नीचे गिर गया।' आभीरी बोली—'नहीं, नहीं, मैंने उसे अच्छे ढंग से नहीं पकड़ा इसलिए वह हाथ से फिसलकर नीचे गिर गया।
२८. ग्रामचिन्तक ( महावीर को सम्यक्त्व-लाभ )
अपरविदेह के एक गांव में एक ग्रामचिन्तक रहता था। वह राजाज्ञा को प्रात कर अनेक शकटों को लेकर लकड़ी लाने के लिए एक महान् अटवी में गया। इधर एक सार्थ (कारवां) कहीं जा रहा था। उसके साथ अनेक साधु भी यात्रा कर रहे थे। सार्थ के एक स्थान पर ठहरने पर साधु भिक्षाचर्या के लिए निकले। इतने में ही वह सार्थ वहां से अन्यत्र चला गया। साधु पीछे रह गए। वे सार्थ के साथ होने के लिए पीछे से तीव्र गति से चले। मार्ग न जानने के कारण वे भटक गए। वे दिग्मूढ होकर चलने लगे। उस अटवी मार्ग से वे मध्याह्न में पहुंचे। भूख और प्यास से व्याकुल होकर वे वहां पहुंच गए, जहां शकटों का समूह था। ग्रामचिन्तक ने उन्हें देखा और पूर्ण संवेग से मन ही मन बोला—'अहो! ये साधु मार्ग से अनजान हैं, तपस्वी हैं, इस अटवी में भटक गए हैं।' उसने अनुकंपावश मुनियों को अशन-पान देकर कहा—'भगवन्! आप मेरे साथ चलें। मैं आपको सही मार्ग बता देता हूं।' वे साधु उसके पीछे-पीछे चलने लगे। साधुओं में एक साधु धर्मकथा कहने की लब्धि से संपन्न था। उसने धर्मकथा कहनी प्रारम्भ को। धर्मकथा की समाप्ति पर ग्रामचिन्तक को सम्यक्त्व की प्राप्ति हो गयी। मुनि को सही मार्ग बताकर वह पुन: शकटों के पास आ गया। वह अविरत सम्यन्दृष्टि पथदर्शक दिवंगत होकर सौधर्मकल्प में पल्योपम स्थिति वाला देव बना।
२९. दो वणिक् मित्र ( विमलवाहन )
अपरविदेह में दो वणिक् मित्र रहते थे। एक मायावी था और दूसरा ऋजु। वे साथ-साथ व्यापार करते थे। जो मायावी था, वह ऋजुक से बहुत सारी बातें छुपा लेता था। ऋजुक कुछ भी गुप्त न रखता हुआ सम्यग् सात्म्य से व्यवहार करता था। दोनों दानरुचि थे। ऋजुक मरकर दक्षिणार्ध भरत में यौगलिक नर और मायावी मरकर उसी प्रदेश में हस्तिरत्न के रूप में उत्पन्न हुआ। वह श्वेत वर्ण और चार दांतों से युक्त था। यौगलिक प्रतिपूर्ण हुए। एक दिन हाथी घूम रहा था। उसने यौगलिक नर को देखा। देखते ही उसके मन में प्रीति उत्पन्न हुई। तब उसके आभियोगजनित कर्म उदय में आया। उसने यौगलिक नर को उठाकर अपनी पीठ पर बिठा लिया। हाथी पर चढ़े मनुष्य को देखकर अन्य सभी यौगलिकों ने सोचा, 'यह कोई विशिष्ट पुरुष है। इसका यह वाहन भी विमल है।' उन्होंने पुरुष का नाम 'विमलवाहन' कर दिया। दोनों-हाथी और पुरुष को जातिस्मृति हुई। दोनों ने एक-दूसरे को पहचान लिया।
उस समय कालदोष के कारण कल्पवृक्षो की हानि होने लगी। उनको शक्ति कम हो गई। मत्तांग, भृंगांग, त्रुटितांग, चित्रांग, चित्ररस, गृहाकार और अनग्न आदि कल्पवृक्षो को परिहानि होने पर यौगलिकों में कषाय उत्पन्न होने लगा। वे कहने लगे-'यह कल्पवृक्ष मेरा है, दूसरा कोई यहां न आए।' जब कोई यौगलिक ममकार करके कल्पवृक्षो पर अधिकार जताता तब दूसरे यौगलिकों में क्रोध आदि कषाय उत्पन्न होते और उनको ग्रहण करने में कलह होता। यौगलिकों ने सोचा—'हम किसी अधिष्ठाता को स्थापित करें, जो सम्यग् व्यवस्था कर सके। विमलवाहन हम सबमें श्रेष्ठ है, यह सोचकर उन्होंने विमलवाहन को अपने नेता के रूप में प्रतिष्ठापित कर दिया। उसने कल्पवृक्षों के विभाग कर सबको दे दिए और कहा—'जो कोई इस मर्यादा का उल्लंघन करे, तो मुझे बताया जाए। मैं उसको दंडित करूंगा।' विमलवाहन को वणिक् काल से जातिस्मृति थी। जो कोई अपराध करता, उसको वे अपराध बताते और फिर वे दंड की व्यवस्था करते थे। उस समय का दंड था—हाकार—हाय! तुमने बुरा किया। इस वचनदंड से वह यौगलिक सोचता—ऐसी विडंबना से यही उचित था कि मेरा सर्वस्व छीन लिया जाता, मुझे मार दिया जाता अथवा मेरा शिरच्छेद कर दिया जाता। यह हाकार दंड लंबे समय तक चला। उसकी भार्या का नाम चन्द्रयशा था। उसके साथ भोग भोगने से उसके एक मिथुन उत्पन्न हुआ। उसके भी एक युगल हुआ। इस प्रकार एक ही वंश में सात कुलकर हुए।
३०. धन सार्थवाह ( ऋषभ का पूर्वभव )
अपरविदेह जनपद में धन नामक सार्थवाह रहता था। वह क्षितिप्रतिष्ठित नगर से बसन्तपुर नगर की ओर व्यापारार्थ जाना चाहता था। उसने नगर में यह घोषणा करवाई 'जो कोई मेरे साथ चलेगा, मैं उसका योगक्षेम बहन करूंगा अर्थात् उसके खान-पान, वस्त्र-पात्र, औषध-भेषज तथा अन्य सभी आवश्यक वस्तुओं को पूर्ति करूंगा।' यह घोषणा सुनकर अनेक तटिक, कार्पटिक आदि उसके साथ जाने के लिए तत्पर हुए। साधुओं का एक गच्छ भी उस सार्थवाह के साथ प्रस्थित हुआ। वह ग्रीष्म ऋतु का चरमकाल था। वह सार्थ जब एक अटवी के बीच पहुंचा तब तक वर्षाकाल प्रारंभ हो गया था। सार्थवाह ने सोचा कि मार्ग अतिदुर्गम है इसलिए आगे जाना संभव नहीं है। सार्थ उसी अटवी में रुक गया। उसके रुक जाने पर साथ वाले सभी वहीं रुक गए। जब सार्थवाह की सारी भोजन-सामग्री समाप्त हो गई तब सभी कंद-मूल-फल आदि खाने लगे। उस समय साधुओं को बड़ी मुश्किल हो गई। यदि यथाकृत सामग्री मिलती तो वे ग्रहण करते, अन्यथा नहीं। काल बीतने लगा। वर्षाकाल थोड़ा रह गया तब धन सार्थवाह को यह चिन्ता हुई कि मेरे साथ वाले कोई कष्ट में तो नहीं हैं? उसको याद आया कि मेरे साथ मुनिजन भी थे। वे कंद-मूल नहीं लेते। वे तपस्वी अभी कष्ट में होंगे। कल मैं उनको दान दूंगा। ऐसा सोचकर दूसरे दिन उसने मुनियों को निमंत्रित किया। मुनि बोले—'हमारे लिए कल्प्य होगा तो हम ग्रहण करेंगे, अन्यथा नहीं।' धन ने पूछा—'आपके ग्रहण योग्य क्या है? मुनि बोले—'जो भिक्षा हमारे लिए अकृत और अकारित है, वही कल्प्य है।' तब धन ने मुनियों को घृत आदि प्रासुक वस्तुओं का प्रचुर दान दिया।
इस शुद्धदान के माहात्म्य से धन सार्थवाह मरकर उत्तरकुरु में मनुष्यरूप में उत्पन्न हुआ। वहां से मरकर वह सौधर्म देवलोक में देव बना। वहां का आयुष्य पूरा कर जंबूद्वीप के अपरविदेह में गंधिलावती विजय के वैताढ्यपर्वत में गांधार जनपद के गंधसमृद्ध विद्याधरनगर में अतिबलराजा का पौत्र, शतबलराजा का पुत्र और महाबल नाम का राजा बना। वह नाटक देखने का रसिक था। उसके अमात्य का नाम था सुबुद्धि। वह उसका मित्र था। उसके द्वारा प्रतिबुद्ध होकर महाबल राजा एक मास का आयुष्य अवशिष्ट रहने पर बावीस दिनों का अनशन कर, समाधिपूर्वक मृत्यु प्राप्त कर ईशान कल्प देवलोक के श्रीप्रभ विमान में ललितांग नामक देव बना। वहां का आयुष्य पूरा कर वह जंबूद्वीप में पुष्कलावतीविजय के लोहार्गला नगर का स्वामी वज्रजंघ नामक राजा बना। उसने अपने पश्चिम वय में पत्नी के साथ प्रव्रज्या ग्रहण करने की बात सोची। परंतु उसके पुत्र ने योगधूप से धूपित वासगृह में उसे मार डाला। वहां से मरकर उत्तरकुरु में वे मिथुन रूप में उत्पन्न हुए। वहां से सौधर्म देवलोक में देव बना। वहां से च्यवन कर महाविदेह क्षेत्र में क्षितिप्रतिष्ठित नगर में वैद्यपुत्र हुआ। जिस दिन उसका जन्म हुआ, उसी दिन चार बालकों का जन्म हुआ—राजपुत्र, श्रेष्ठीपुत्र, अमात्यपुत्र तथा सार्थवाहपुत्र। वे सभी बालक बढने लगे।
एक बार राजपुत्र आदि चारों मित्र वैद्यपुत्र के यहां बैठे थे। वहां एक तपस्वी मुनि भिक्षा लेने आए। वे कृमिकुष्ठ रोग से ग्रस्त थे। चारों मित्र उपहास करते हुए मीठे वचनों में वैद्यपुत्र से बोले—'तुम वैद्य लोग सभी को लूट लेते हो, परन्तु तपस्वी और अनाथ की चिकित्सा नहीं करते।' वैद्य बोला—'मैं ३० आवश्यक निर्युक्ति की कथाएं चिकित्सा अवश्य करता परंतु मेरे पास औषधियां नहीं हैं।' मित्र बोले—'तुम औषधियां कहीं से भी ले आओ, हम उसका मूल्य चुकायेंगे। बोलो, तुम्हें कौनसी औषधियां चाहिए?' वैद्यपुत्र बोला—'इस रोग के निवारण के लिए तीन वस्तुएं आवश्यक होती हैं—कंबलरत्न, गोशीर्षचन्दन तथा सहस्रपाक तैल। तैल मेरे पास है, शेष दो वस्तुएं नहीं हैं।' तब उन चारों मित्रों ने गवेषणा प्रारंभ की। उन्हें ज्ञात हुआ कि अमुक वणिक् के पास दोनों वस्तुएं हैं। वे उस वणिक् के पास दो लाख मुद्राएं लेकर दोनों चीजों को खरीदने के लिए गए। वणिक् ने संभ्रान्त होकर कहा—'क्या दूं?' वे बोले—'हमें कंबलरत्न और गोशीर्षचन्दन चाहिए।' वणिक् ने पूछा—'इनसे आपका क्या प्रयोजन है?' वे बोले—'हमें मुनि की चिकित्सा करानी है।' वणिक् बोला—'अच्छा, आप दोनों वस्तुएं बिना मूल्य के ले जाएं। मूल्य से मुझे क्या? आप चिकित्सा कराएं तो मुझे भी धर्म होगा।' उसने बिना मूल्य के दोनों वस्तुएं सौंप दीं।
फिर वणिक् ने सोचा—'इन बालकों की धर्म के ऊपर इतनी श्रद्धा है। मैं मंदपुण्य हूं, इहलोकप्रतिबद्ध हूं, मेरी इतनी श्रद्धा नहीं है।' उसे विरक्ति हुई और वह स्थविरों के पास प्रव्रजित होकर सिद्ध, बुद्ध और मुक्त हो गया।
वे चारों मित्र वणिक् से कंबलरत्न और गोशीर्षचन्दन—दोनों वस्तुएं लेकर वैद्य के पास गए और फिर पांचों उस उद्यान में गए, जहां मुनि प्रतिमा में स्थित थे। उन्होंने मुनि को वंदना कर प्रार्थना के स्वर में कहा—'भगवन्! आज्ञा दें। हम आपकी चर्या में विघ्न उपस्थित करने आए हैं।' वैद्य ने तब मुनि के पूरे शरीर पर तैल का अभ्यंगन किया। वह सारा तेल रोम-कूपों से शरीर के भीतर प्रविष्ट हो गया। शरीर में तेल के प्रवेश करते ही सारे कृमि संक्षुब्ध होकर हलन-चलन करने लगे। उस समय मुनि के अत्यंत वेदना प्रादुर्भूत हुई। वे कृमि शरीर से बाहर निकले। यह देखकर वैद्य ने मुनि को रत्नकंबल से ढक दिया। वह रत्नकंबल शीतवीर्य वाला था। तैल उष्णवीर्य वाला था। सारे कृमि उस कंबल पर चिपक गए। तब पूर्व आनीत गाय के कलेवर में उस कंबल को झटका। वे सारे कृमि कंबल से नीचे गिर गए फिर वैद्य ने साधु के शरीर पर गोशीर्षचन्दन का लेप कर दिया। मुनि समाश्वस्त हुए। एक-दो-तीन बार इस प्रक्रिया की पुनरावृत्ति कर उन्होंने मुनि को नीरोग कर दिया। सभी मित्र मुनि से क्षमायाचना कर चले गए।
कालान्तर में वे सभी प्रव्रजित हो गए और पांचों मरकर अच्युत देवलोक में उत्पन्न हुए। वहां से च्युत होकर वह जंबूद्वीप के पूर्वविदेह की पुष्करावती विजय को पुंडरीकिनी नगरी में वज्रसेन राजा की रानी धारिणी के गर्भ से वज्रनाभ नाम का पुत्र हुआ। यह वैद्यपुत्र का जीव था, जो चक्रवर्ती बनने वाला था। अवशिष्ट जीव बाहु, सुबाहु, पीठ, महापीठ के रूप में उत्पन्न हुए। महाराज वज्रसेन प्रव्रजित हो गए। वे तीर्थंकर बने। शेष सभी गृहवास में महामांडलिक राजा बनकर भोग भोगने लगे। जिस दिन वज्रसेन को केवलज्ञान हुआ, उसी दिन वज्रनाभ के चक्ररत्न उत्पन्न हुआ। वज्रनाभ चक्रवर्ती हो गया। उसने मुनि की वैयावृत्य की थी इसलिए उसे चक्रवर्ती की समृद्धि प्राप्त हुई। शेष चार मांडलिक राजा हुए। वज्रनाभ चक्रवर्ती का संपूर्ण आयुष्य चौरासी लाख पूर्व का था। उन्होंने कुमारावस्था में तीस लाख पूर्व, मांडलिक राजा के रूप में सोलह लाख पूर्व, महाराजा के रूप में चौबीस लाख पूर्व तथा श्रामण्य पर्याय चौदह लाख पूर्व तक पालन किया। चक्रवर्ती वज्रनाभ भोगों को भोगते हुए जीवन-यापन करने लगे।
एक बार तीर्थंकर वज्रसेन नलिनीगुल्म उद्यान में समवसृत हुए। समवसरण की रचना हुई। चक्रवर्ती वज्रनाभ अपने चारों सहोदरों के साथ तीर्थंकर पिता वज्रसेन के पास प्रव्रजित हो गए। मुनि वज्रनाभ ने चौदह पूर्व पढ़े और शेष चारों भाइयों ने ग्यारह अंगों का अध्ययन किया। मुनि बाहु मुनियों की वैयावृत्य करते और सुबाहु अन्यान्य मुनियों को विश्राम देते थे। भगवान वज्रसेन ने उन दोनों का उपबृंहण करते हुए कहा—'अहो तुम दोनों ने मनुष्य जन्म का सुफल पा लिया। एक मुनियों की वैयावृत्य करता है और दूसरा परिश्रान्त मुनियों को विश्राम देता है।' इस प्रकार भगवान् उनकी प्रशंसा करते। उनकी प्रशंसा सुनकर शेष दो भाई मुनियों में अप्रीति उत्पन्न होती। वे सोचते—हम भी तो स्वाध्यायरत रहते हैं, परंतु हमारी प्रशंसा नहीं होती। जो काम करता है, उसकी प्रशंसा होती है। यह सारा लोक-व्यवहार है। मुनि वञ्रनाभ ने उस भव में विशुद्ध परिणामों से तीर्थंकरनामगोत्र का बंध किया। मुनि बाहु ने वैयावृत्य करने के फलस्वरूप चक्रवर्ती के भोगों का अर्जन किया। सुबाहु ने सेवा-कार्य से बाहुबल की प्राप्ति की। दूसरे दो भाइयों ने मायावी आचरण के कारण स्त्रीनामगोत्र कर्म का बंध किया। पांचों अपना आयुष्य पूर्ण कर सर्वार्थसिद्ध विमान में तेतीस सागरोपम की स्थिति वाले देव बने।
बाहु और पीठ भरत और ब्राह्मी के रूप में तथा सुबाहु और महापीठ बाहुबलि और सुंदरी के रूप में उत्पन्न हुए।
३१. ऋषभ का जन्म
वहां से च्युत होकर वज्रनाभ का जीव इस अवसर्पिणी काल के सुषम-सुषमा और सुषमा अर के व्यतीत हो जाने पर तथा सुषम-दु:षमा काल का बहुल भाग व्यतिक्रान्त होने पर उसके चौरासी लाख पूर्व तथा ८९ पक्ष शेष रहने पर आषाढ़ मास के कृष्णपक्ष की चतुर्थी के दिन उत्तराषाढा योगयुक्त चन्द्रमा में, इक्ष्वाकु वंश के नाभि कुलकर की पत्नी मरुदेवा के गर्भ में उत्पन्न हुआ। मरुदेवा माता ऋषभ, गज आदि चौदह स्वप्न देखकर प्रतिबुद्ध हुई। उसने नाभि कुलकर से चौदह स्वप्नों की बात कही। उन्होंने कहा—'देवी! तुम्हारा पुत्र महान् कुलकर होगा।' उस समय इन्द्र का आसन चलित हुआ और वह: शीघ्र ही वहां आ पहुंचा। उसने आते ही कहा—'देवानुप्रिये! तुम्हारा पुत्र समस्त विश्व के लिए मंगलकारी होगा। वह प्रथम नृपति और प्रथम धर्मचक्रवर्ती होगा।' यह सुनकर मरुदेवा हृष्ट-तुष्ट हुई। वह आनन्दपूर्वक अपना गर्भ बहन करने लगी। नौ मास और साढ़े आठ (नौ) रात-दिन बीतने पर चैत्रकृष्णा अष्टमी उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में आधी रात के समय उसने एक अत्यंत स्वस्थ पुत्र का प्रसव किया। तीर्थंकर जब उत्पन्न होते हैं, तब संपूर्ण लोक में उद्योत होता है। तीर्थंकरों को माताएं प्रच्छन्नगर्भ वाली होती हैं। उनके जरा, रुधिर, कल्मष आदि नहीं होते। त्रिलोकीनाथ के जन्म लेते ही अधोलोकवास्तव्य आठ दिक्कुमारियों के आसन चलित हुए। उन्होंने अपने अवधिज्ञान से भगवान् ऋषभ के जन्म को जाना। दिव्ययान-विमान और समृद्धि के साथ शीघ्रता से आकर तीर्थंकर और तीर्थंकर-जननी की अभिवंदना करती हुई वे बोलीं—'हे जनयित्री! तुमको नमस्कार है। तुम जगत् प्रकाशी त्रिभुवन-दीपक की मां हो। देवी! हम अधोलोकवासी आठ दिक्कुमारियां हैं। हमारे नाम इस प्रकार हैं—भोगकरी, भोगवती, सुभोगा, भोगमालिनी, सुवत्सा, वत्समित्रा, पुष्पमाला, अनिन्द्रिया। हम तीर्थंकर भगवान् का जन्म-महोत्सव मनाने आई हैं। आप भय न करें।' तब उन्होंने उस प्रदेश में सैकड़ों खंभेवाले जन्म-भवन की विकुर्वणा की और संवर्तक पवन की विकुर्वणा कर जन्म-भवन के चारों ओर एक-एक योजन तक तृण, काष्ठ, कंकर तथा बालूरेत को साफ कर दूर फेंक दिया। तत्पश्चात् उड़ी हुई रेत आदि को शीघ्र ही उपशान्त कर माता सहित तीर्थंकर को प्रणाम कर उनके उपपात में गाती हुई बैठ गईं। उसके पश्चात् ऊर्ध्वलोक वास्तव्य आठ दिक्कुमारियां—मेघंकरी, मेघवती, सुमेधा, मेघमालिनी, तोयधारा, विचित्रा, वारिसेना और बलाहका—आदि आठ दिक्कुमारियों ने आकाश में बादलों की विकुर्वणा की। फिर भगवान् के जन्म-भवन के चारों ओर एक योजन तक वर्षा की। उस वर्षा से अधिक जल इक्कट्टा हुआ और न अधिक मिट्टी। हल्की-हल्की वर्षा से वातावरण में सूक्ष्म रजें भी नहीं रहीं। वर्षा का पानी गंधोदक से सुरभित था। उसके बाद दिक्कुमारिंयों ने जल और स्थल में विकसित वृंत से युक्त तथा पांच वर्ण वाले पुष्प के बादलों की विकुर्वणा कर घुटनों को ऊंचाई जितने फूलों की वर्षा की। वे दिक्कुमारियां भी गीत गा रही थीं।
इसके बाद पूर्व दिशा के रुचक प्रदेशों में रहने वाली मंदा, नंदोत्तरा, आनन्दा, नंदिवर्धना, विजया, वैजयन्ती, जयन्ती और अपराजिता—ये आठ दिक्कुमारियां वहां आई। दिक्कुमारियों ने मरुदेवा मां को भयभीत न होने के लिए कहा। वे दिक्कुमारियां माता सहित तीर्थंकर ऋषभ के सामने पूर्वदिशा में दर्पण लेकर खड़ी हो गई और गीत गाने लगीं। इसी प्रकार दक्षिण रुचक प्रदेशों में रहने वाली समाहारा, सुप्रदत्ता, सुप्रबुद्धा, यशोधरा, लक्ष्मीवती, भोगवती, चित्रगुप्ता और वसुंधरा आदि आठ दिक्कुमारियां संसार को आनंद देने वाले ऋषभ और मरुदेवा के समक्ष दक्षिण दिशा में भृंगार लेकर खड़ी हो गयीं। पश्चिम रुचक प्रदेशों में रहने वाली इलादेवी, सुरादेवी, पृथ्वी, पद्मावती, एकनासा, नवमिका, सीता और भद्रा—ये आठ दिक्कुमारियां माता सहित भावी तीर्थंकर के पश्चिम दिशा में पंखें लेकर खड़ी हो गयीं और गीत गाने लगीं। उत्तर रुचक प्रदेशों में रहने वाली अलंबुसा, मिश्रकेशी, पुण्डरीकिनी, वारुणी, हासा, सर्वप्रभा, श्री, ही आदि आठ दिक्कुमारियां बालक सहित मरुदेवा माता के उत्तरदिशा में हाथ से चंवर डुलाते हुए गीत गाने लगीं। इसके पश्चात् विदिशा में रहने वाली चित्रा, चित्रकनका, सत्तारा और सौदामिनी—ये चार विद्युतकुमारियां जननी सहित त्रिभुवनबंधु ऋषभ की चारों विदिशाओं में हाथ में दीपक लेकर खड़ी हो गयीं और गीत गाने लगीं। इसके बाद मध्य रुचक में रहने वाली रुचका, रुचकांशा, सुरुचा और रुचकावती आदि चार दिक्कुमारियां पास आकर कोई रुकावट नहीं है, ऐसा जानकर, भव्यजनों के लिए कमलवन के मंडनस्वरूप भगवान् ऋषभ की चार अंगुल वर्ज्य गर्भनाल काटने लगीं। एक विवर खोदकर नाभिनाल उसमें रखकर उसे रत्न और हीरों से भरने लगी। फिर हरियाली से उस पर वेदी बांधने लगी। तीर्थंकर के जन्म-भवन के पूर्व दक्षिण और उत्तर दिशा में तीन कदलीगृहों की विकुर्वणा करके उसके बीच में तीन चन्द्रशालाओं की विकुर्वणा की। वे दिककुमारियां तीर्थंकर को हाथ में लेकर और माता को हाथों का सहारा देकर दक्षिण कदलीगृह के चतु:शाल के सिंहासन पर बिठाकर शतपाक और सहस्रपाक तैल से उनके शरीर का अभ्यंगन किया फिर सुरभित गंधोदक से उनके शरीर का उदवर्तन किया।
इसके बाद तीर्थंकर भगवान् को हाथों में लेकर तथा माता को भुजाओं से सम्यक् रूप से पकड़कर पूर्वदिशा वाले कदलीगृह के चतु:शाला में स्थित सिंहासन पर बिठाकर स्नान करवाया। गंध काषायिक वस्त्र से शरीर को पोंछकर गीले गोशीर्षचंदन का लेप कर उन्हें दिव्य देवदूष्य पहनाकर सर्व अलंकारों से अलंकृत किया। इसके पश्चात् उत्तरदिशा में स्थित कदलीगृह के चतु:शाला में स्थित सिंहासन पर उन दोनों को बिठाया। इसके बाद आभियोगिक देवों ने चुल्ल हिमवंत पर्वत से गीले गोशीर्षचंदन की लकड़ी लाकर अरणि से अग्नि उत्पन्न की। दिक्कुमारियों ने गोशीर्ष चंदन की लकड़ी से अग्नि को प्रज्वलित किया। तत्पश्चात् अग्निहोम, भूतिकर्म तथा रक्षापोट्टलिका (बच्चे को बुरी नजर से बचाने के लिए किया जाने वाला उपचार आदि कर्म किए। फिर भगवान् के कर्णमूल में पत्थर के दो गोल टुकड़े बजाए। आपका आयुष्य पर्वत जितना लम्बा हो—ऐसा कहकर तीर्थंकर भगवान् को हस्तपुटों में तथा उनकी माता को भुजाओं से पकड़कर जन्म-भवन की शय्या पर बिठाया और बालक को उनके पास रखकर गीत गाती हुई भगवान् के पास बैठ गयीं।
इसके पश्चात् नाना मणि की किरणों से सुशोभित इंद्र का सिंहासन चलित हुआ। उसने अपने अवधिज्ञान से तीर्थंकर भगवान् के जन्म को देखा और शीघ्र ही अपने पालक विमान से वहां आया। उसने भगवान् तथा उनकी माता की तीन बार दाएं से बाएं प्रदक्षिणा की वंदन एवं नमस्कार करके वह इस प्रकार बोला—'रत्न कुक्षिधारक मरुदेवा मां! तुमको नमस्कार!' मैं भगवान् का जन्म-महोत्सव करना चाहता हूं।' माता उत्सव में रुकावट न डाले इसलिए मरुदेवा को अवस्वापिनी नींद में सुला दिया। इंद्र से तीर्थंकर के प्रतिरूप की विकुर्वणा कर उसको तीर्थंकर की माता के पास रख दिया और भगवान् के शरीर को हस्तपुट में लेकर अपने शरीर की पांच प्रकार से विकुर्वणा को। जिनेन्द्र को गृहीत एक शरीर, दोनों ओर दो इन्द्र हाथों में चमर धारण किए हुए, एक पवित्र आतपत्र लिए हुए और पांचवां हाथ में वज्र लिए हुए—इस प्रकार पांच शरीरों की विकुर्वणा को।
तब इंद्र चार प्रकार के देव समूह के साथ भगवान् को लेकर शीघ्रता से मंदर पर्वत के पंडकवन की मंदरचूलिका की दक्षिण दिशा में स्थित अतिपांडुकंबलशिला पर अभिषेक सिंहासन के पास गया और पूर्व दिशा के अभिमुख होकर सिंहासन पर बैठ गया। बत्तीस प्रकार के इन्द्र भगवान् के चरण के निकट आए। सबसे पहले अच्युत देवलोक के इन्द्र ने अभिषेक किया फिर क्रमश: चमर, चन्द्र, सूर्य पर्यन्त सभी इन्द्रों ने अभिषेक किया। भगवान् के जन्मअभिषेक के उत्सव से निवृत्त होकर इन्द्र सर्वऋद्धि से चार प्रकार के देवों के साथ तीर्थंकर को लेकर माता के पास लौट आया। तीर्थंकर को प्रतिकृति का संहरण कर मूल तीर्थंकर को माता के पास सुला दिया। अवस्वापिनी विद्या का संहरण कर माता को जागृत किया। इन्द्र ने दिव्य क्षौमयुगल तथा कुंडलयुगल को भगवान् के सिरहाने के पास रखा। एक श्रीदामगंड, स्वर्णोज्ज्वल लड़ियों का एक हार तथा नाना प्रकार के सुवर्णप्रतर मंडित नानामणिरत्नजटित हार-अर्द्धहार आदि आभूषण भगवान् के चंदेवे के ऊपर रखे। बालक तीर्थंकर अनिमेषदृष्टि से देखते हुए सुखपूर्वक क्रीडा करने लगे। इन्द्र के कहने पर वैश्रमण देव ने बत्तीस करोड़ हिरण्य, बत्तीस करोड़ सुवर्ण, बत्तीस नन्दासन, बत्तीस भद्रासन भगवान् के जन्मभवन में स्थापित किए। तब शक्र ने आभियोगिक देवों के साथ उच्च स्वर में उद्घोषणा की कि सभी भवनपति, व्यन्तर, ज्योतिष्क और वैमानिक देवों और देवियों! सुनो, जो कोई भगवान् के प्रति अथवा उनकी जननी के प्रति मन में अशुभ भावना करेगा उसका सिर आर्यमंजरी की भांति सात टुकड़ों में विभक्त हो जाएगा! चारों प्रकार के देव भगवान् की जन्म-महिमा कर नंदीश्वरद्वीप में गए और वहां अष्टाहिक उत्सव संपन्न कर अपने स्थान पर लौट गए।
३२. इक्ष्वाकु वंश की स्थापना
यह जीत व्यवहार है कि अतीत, अनागत और वर्तमान के सभी प्रथम तीर्थंकर की वंशस्थापना इंद्र करते हैं। भगवान् के जन्म के बाद देवताओं का समूह एकत्रित होकर आया। इंद्र ने सोचा कि मैं खाली हाथ कैसे जाऊं इसलिए वह एक बड़ा इक्षुदण्ड हाथ में लेकर गया। नाभि कुलकर ऋषभ को अपनी गोद में लिए हुए बैठे थे। इंद्र के आगमन पर भगवान् की दृष्टि इक्षु-दण्ड पर पड़ी। इंद्र ने पूछा—'भगवन्! क्या आप इक्षु खाएंगे?' यह सुनकर ऋषभस्वामी ने अपना हाथ फैलाया और हंसकर प्रसन्नता व्यक्त की। इंद्र ने सोचा कि भगवान् को इक्षु खाने की अभिलाषा है, इसलिए इनका वंश इक्ष्वाकु हो। भगवान् के पूर्वजों ने इक्षुरस पीया था अत: उनके वंश का नाम इक्ष्वाकु पड़ा। इस प्रकार इंद्र भगवान् के वंश की स्थापना करके वापिस चला गया।
३३. ऋषभ का विवाह
भगवान् ऋषभ सुमंगला के साथ सुखपूर्वक संवर्धित हो रहे थे। उस समय एक यौगलिक के एक युगल प्रसूत हुआ। उस युगल को ताड़ वृक्ष के नीचे रखकर वे स्वयं कदलीगृह में क्रीड़ारत हो गए। वायु के साथ एक पका हुआ ताड़ का फल नीचे सोए बालक के ऊपर गिरा। अकाल में ही बालक की मृत्यु हो गयी। कुछ समय तक बालिका का पालन-पोषण कर वह यौगलिक कालगत हो गया। बड़ी होने पर वह कन्या देवकन्या की भांति रूपवती और उत्कृष्ट शरीर वाली हो गयी। वह वनदेवता की भांति वन में विचरण करती थी। उसको एकाकी देखकर लोगों ने नाभि को निवेदन किया। नाभि ने कहा—'यह ऋषभ की पत्नी होगी। इससे स्वत: इसकी सुरक्षा हो जाएगी।' ऋषभ दो दारिकाओं के साथ बढ़ने लगे।
शक्र के मन में ऐसा चिंतन उत्पन्न हुआ कि अतीत, अनामत और वर्तमान के सभी प्रथम तीर्थंकरों का विवाह-उत्सव किया जाता है, यह हमारा जीत व्यवहार है। चिंतन के साथ वह शीघ्र ही समृद्धि के साथ वहां आया। शक्र ने स्वयं भगवान् ऋषभ का वरकर्म किया तथा दोनों दारिकाओं का इन्द्र की अग्रमहिषी ने वधूकर्म किया। विवाह करके इन्द्र जिस दिशा से आया था, उसी दिशा में वापिस लौट गया।
३४. ऋषभ का राज्याभिषेक
यौगलिक हाकार, माकार आदि दंडनीतियों का अतिक्रमण करने लगे। भगवान् को जातिस्मृति ज्ञान था। लोगों ने उनसे पूछा—'नीतियों का अतिक्रमण हो रहा है अत: अब क्या करना चाहिए?' तब भगवान् ऋषभ ने कहा—'अब राजा की आवश्यकता है।' लोगों ने पूछा—'राजा कैसा होता है?' तब ऋषभ ने कहा—'जो राजा होता है, उसके पास कुमार, अमात्य, दंडपालक और आरक्षक होते हैं इसलिए उनकी उग्र दंडनीति होती है। उसका लोग अतिक्रमण नहीं कर सकते।' लोगों ने फिर प्रश्न किया—'राजा कैसे बनता है?' ऋषभ ने उत्तर दिया—'उसका राज्याभिषेक किया जाता है।' लोगों ने कहा—'आप हमारे राजा बन जाएं।' ऋषभ ने कहा—'आप लोग नाभि से राजा की याचना करो।' लोग नाभि के पास जाकर राजा की माग करने लगे। नाभि ने कहा—'मैं अब अवस्था प्राप्त हो गया हूं तुम लोग ऋषभ को राजा के रूप में स्थापित करो।' लोग पद्मसरोवर के पास गए। पद्मिनी पत्रों से वे जब पानी ला रहे थे तब इन्द्र का आसन चलित हुआ। इन्द्र लोकपाल के साथ अपनी समस्त ऋद्धि सहित वहां उपस्थित हुआ। उसने ऋषभ का राज्याभिषेक किया। राजा के योग्य जितने अलंकार होते हैं, वह सब लेकर आया। उसने बड़े उत्सव के साथ ऋषभ का राज्याभिषेक किया।
लोगों ने आकर ऋषभ को अभिषिक्त और सब अलंकारों से विभूषित देखा। वे उन्हें देखकर अत्यन्त प्रसन्न हुए। उन्होंने सोचा—'अलंकृत और विभूषित ऋषभ के ऊपर पानी कैसे डालें?' तब उन्होंने नलिनीपत्रों में लाये हुए पानी से ऋषभ के पैरों का अभिषेक कर दिया। यह देखकर इन्द्र ने सोचा यहां के लोग बहुत बिनीत हैं अत: इस नगरी का नाम भी विनीता हो। तब देवराज शक्र ने वैश्रमण देव को आज्ञा दी—'देवानुप्रिय! बारह योजन दीर्घ, नव योजन चौड़ी नगरी का निर्माण करो।' आज्ञा के साथ ही वैश्रमण देव ने दिव्य वन और प्राकारों से शोभित विनीता नगरी का निर्माण कर दिया।
राज्याभिषेक के बाद ऋषभ ने चार प्रकार का राज्यसंग्रह किया—उग्र, भोग, राजन्य और क्षत्रिय। जिनकी दंडनीति उग्र थी, वे उग्र कहलाए। वे आरक्षिक पुरुष बने। ऋषभ के पितृस्थानीय भोग, समवयस्क राजन्य तथा अवशेष क्षत्रिय कहलाए।
३५. ऋषभ द्वारा प्रशिक्षण
पहले यौगलिक कंद आदि का आहार करते थे। फिर सतरह प्रकार के धान्य का आहार करने लगे। कालान्तर में वह धान्य उनके लिए अपाच्य हो गया तब वे ऋषभ के पास आए। ऋषभ ने कहा—'तुम इनको हाथ से घर्षण करके छिलका उतारकर खाओ।' काल-दोष से वह भी सुपाच्य नहीं रहा। ऋषभ ने चावल आदि धान्यों को दोनों में भिगोकर खाने का निर्देश दिया। जब भिगोया हुआ धान्य हाथ में रखकर खाने पर दुष्पाच्य हो गया तो ऋषभ ने कांख की उष्मा में रखकर खाने की बात कही। एकान्त स्निग्ध और एकान्त रुक्ष काल में अग्नि की उत्पत्ति नहीं होती।
काल-स्वभाव से वृक्षों के संघर्षण से एक दिन अग्नि उत्पन्न हो गयी। अग्नि फैलनें लगी और सूखे पत्ते, कचरे आदि को जलाने लगी। वे मनुष्य अग्नि को अद्भुत रत्न समझकर उसे लेने के लिए दौड़े। जब उन्होंने उसे लेने के लिए हाथ आगे बढ़ाया तो वे जलने लगे अत: वे वहां से दूर चले गए। भयभीत होकर वे राजा ऋषभ के पास आए और सारी बात कही। ऋषभ बोले—'आग के आसपास की घास को काट डालो।' तब हाथियों और घोड़ों ने सारी घास को मर्दित कर दिया। अग्नि शान्त हो गयी।
अग्नि उत्पन्न होने पर भगवान् ने उन्हें भोजन पकाने की बात कही। वे पकाना नहीं जानते थे। उन्होंने धान्य को सीधा अग्नि में डाल दिया। इससे सारा धान्य जल गया। वे पुन: ऋषभ के पास उपस्थित हुए और बोले—'आग ने हमारे सारे धान्य को खा लिया है।' भगवान् ने उन्हें मिट्टी लाने को कहा। वे हाथी पर आरूढ़ थे। यौगलिक गीली मिट्टी ले आए। भगवान् ने उसे हाथी के कुंभस्थल पर ढालकर बर्तन बनाने की विधि बताई। फिर कहा—'इस प्रकार बर्तन बनाकर उसमें धान्य पकाओ।' उन्होंने वैसा ही करना प्रारंभ किया। इस प्रकार सर्वप्रथम कुंभकारों की उत्पत्ति हुई तथा पाकविद्या और पात्र-निर्माण विद्या का प्रारम्भ हुआ।
३६. ऋषभ का अभिनिष्क्रमण
कौशल देश में उत्पन्न ऋषभ प्रथम राजा, प्रथम भिक्षाचर तथा प्रथम तीर्थंकर थे। बीस लाख पूर्व तक कुमारावास में रहकर ६३ लाख पूर्व तक राज्य का पालन किया। लेख, गणित आदि ७२ कलाओं, ६४ स्त्री-कलाओं और अनेक शिल्पों का उपदेश दिया। कलाओं एवं शिल्पों का प्रशिक्षण देकर अपने सौ पुत्रों का राज्याभिषेक किया। लोकांतिक देवों द्वारा संबोध दिए जाने पर सांवत्सरिक दान देकर ऋषभ ने भरत को विनीता (अयोध्या) तथा बाहुबलि को बहली का राज्य सौंपा।
कच्छ, महाकच्छ आदि चार हजार व्यक्ति भगवान् के साथ प्रव्रजित हुए। चैत्र कृष्णा अष्टमी को दिवस के अंतिम भाग में सुदर्शना शिविका में देव, मनुष्य और असुरों के साथ राजधानी के मध्य से निकलते हुए भगवान् ऋषभ सिद्धार्थ वन के अशोक वृक्ष के नीचे गए। अशोक वृक्ष के नीचे शिविका से उतरकर भगवान् ने स्वयं चतु:मुष्टि लोच किया। जब भगवान् पंच मुष्टि लोच कर रहे थे तब इंद्र ने भगवान् को निवेदन किया—'भगवन्! आपके कनक के समान अवदात शरीर पर अंजन रेखा की भांति ये काले बाल सुशोभित होंगे अत: आप इनको ऐसे ही रहने दें। भगवान् ने इंद्र की बात मान ली अत: भगवान् का चतु:मुष्टि लोच हुआ। लोच करके निर्जल बेले की तपस्या में आषाढ़ा नक्षत्र में उग्र, भोग आदि क्षत्रिय राजाओं के साथ भगवान् ने दीक्षा स्वीकार कर ली। उन चार हजार व्यक्तियों का पंचमुष्टि लोच हुआ। दीक्षा के समय भगवान् के शरीर पर एक देवदूष्य था। सामायिक चारित्र स्वीकार करके भगवान् ने अनेक घोर अभिग्रह स्वीकार किए। भगवान् ऋषभ एक वर्ष से अधिक समय तक चीवरधारी रहे।
३७. नमि-विनमि की याचना
कच्छ और महाकच्छ वन में तापस-जीवन जीने लगे। उन्होंने अपने पुत्रों नमि और विनमि को कहा—'हमने जो वनवास विधि स्वीकृत की थी, वह कठोर है इसलिए तुम ऋषभ के पास जाओ, वे तुम्हारी अभिलाषा पूरी करेंगे।' पिता की बात सुनकर वे भगवान् के पास उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान् को उपालम्भ देते हुए कहा—'आपने हमारा किसी वस्तु में संविभाग नहीं किया।' वे कवच आदि धारण कर हाथ में तलवार लेकर भगवान् ऋषभ की सेवा में रहने लगे। वे प्रतिदिन कमलपत्र का दोना बनाकर पानी लाते और भगवान् के चारों ओर वर्षण कर सुगंधित फूलों का घुरने जितना ढेर कर देते। वे तीनों संन्ध्याओं में भगवान् को निवेदन करते—'आपने सभी पुत्रों को राज्य और भोग दिए हम आपके दत्तक पुत्र हैं अत: हमें भी दें। इस प्रकार तीनों संन्ध्याओं में निवेदन करते हुए वे भगवान् की सेवा में काल बिताने लगे।
एक बार नागकुमारेन्द्र धरण भगवान् को वंदना करने के लिए आया। नमि-विनमि ने उनके सामने भी यही बात कही नमि-विनमि को याचना करते हुए देखकर धरणेन्द्र ने कहा—'भगवान् तो त्यक्त संग हैं। ये न रोष करते हैं और न ही किसी पर संतुष्ट होते हैं।' ये अपने शरीर के प्रति भी निमोही हैं। ये अकिंचन, परमयोगी, निरुद्धास्रव और कमलपत्र की भांति निरुपलेप हैं। आप लोग इनसे याचना मत करो। तुम्हारी भगवान् की सेवा व्यर्थ न हो इसलिए पढ़ने मात्र से सिद्ध होने वाली गंधर्व प्रज्ञप्ति आदि ४८ हजार विद्याएं तुमको देता हूं, उनमें चार विद्याएं ये हैं—१. गौरी, २. गांधारी, ३. रोहिणी, ४. प्रज्ञप्ति। धरणेन्द्र ने कहा—'तुम लोग विद्याधर ऋद्धि से अपने जनपद एवं स्वजन लोगों कोप्रलोभन देकर वैताढ्य पर्वत पर विद्याधर-नगरों का निर्माण करो।'
दोनों भाइयों ने कृपा प्राप्त कर तीर्थंकर और नागराज को वंदना की। पुष्पक विमान की विकुर्वणा कर वे कच्छ महाकच्छ के पास आए। अपनी सफलता और धरणेन्द्र के प्रसाद की बात उन्हें बता वे अयोध्या नगरी गए। उन्होंने भरत को सारा वृत्तान्त बताया। फिर वैताढ्य पर्वत की उत्तर श्रेणी में विनमि ने गगनवल्लभ प्रमुख ६० नगरों का निर्माण किया तथा नमि ने वैताढ्य पर्वत की दक्षिणश्रेणी में चक्रवाल प्रमुख ५० नगरों का निर्माण किया। जो जिस जनपद से मनुष्यों को लाया वैताढ्य पर्वत पर वे उसी नाम की बस्तियां हो गयीं।
विद्याधर-निकायों के नाम इस प्रकार थे—
१. गोरियों की गोरिक
२. मनुओं की मनुज
३. गंधारियों की गांधार
४. मानवी की मानव
५. कैशिकों की कैशिक
६. भूमितुंडिक की भूमितुंडिक
७. मूलवीर्य की मूलवीर्य
८. शंबुक्क की शंबुक्क
९. पटूकी को पटूक
१०. काली की कालीय
११. समकी की समक
१२. मातंगी की मातंग
१३. पार्वती की पार्वत
१४. वंसालय की वंसालय
१५. पांशुमूलिक की पांशुमूलिक
१६. वृक्षमूलिक की वृक्षमूलिक
नमि विनमि ने सोलह विद्याधर निकायों का विभाग कर आठ-आठ निकाय आपस में बांट लिए। विद्याबल से वे गगनचारी बनकर परिजनों के साथ मनुष्य तथा देव सम्बन्धी भोगों को भोगने लगे।
३८. ऋषभ का पारणा
भगवान् ऋषभ निराहार, स्वयंभू सागर की भांति अविचल और शान्त रूप से विहरण करने लगे। उनके साथ दीक्षित चार हजार व्यक्ति भी थे। जब भगवान् भिक्षा के लिए जाते तो लोग अश्व, हाथी, आभरण और कन्या आदि का उपहार भेंट करते। लोग भिक्षा की विधि नहीं जानते थे। भिक्षा प्राप्त न होने पर जो चार हजार व्यक्ति भगवान् ऋषभ के साथ प्रव्रजित हुए थे, वे भरत के भय से घर भी नहीं आ सके अत: वन में जाकर तापस बन गए। उन्होंने कंद-मूल और फल खाना प्रारम्भ कर दिया। भगवान् को बिना आहार किए एक साल हो गया। सामुदानिक भिक्षा के लिए जब ऋषभ निकलते तो लोग कहते कि ये हमारे परमस्वामी हैं। पर उन्हें क्या देना है, इस बात से वे अनभिज्ञ थे। छद्मस्थ अवस्था में भगवान् बहली, अडंब आदि देशों में घूमते हुए गजपुर—हस्तिनापुर आए।
कुरु जनपद में गजपुर नाम का नगर था। वहां भरत का पुत्र सोमप्रभी राज्य करता था। उसका पुत्र श्रेयांस युवराज था। एक दिन उसने स्वप्न में मंदर पर्वत को श्याम वर्ण वाला देखा तथा अपने हाथों से अमृतकलशों से उसका अभिसिंचन किया। अभिषेक से मेरु पर्वत अत्यधिक शोभित होने लगा। उसी दिन नगर सेठ सुबुद्धि ने स्वप्न में देखा कि सूर्य की हजार किरणें अपने स्थान से चलित हो गई हैं। श्रेयांस ने उन्हें उठाया जिससे वह सूर्य अत्यधिक तेजस्वी हो गया। महाराज सोमप्रभ ने स्वप्न में एक महाप्रमाण पुरुष को बहुत बड़ी शत्रु-सेना के साथ युद्ध करते देखा। श्रेयांस ने उस महाप्रमाण पुरुष को सहयोग दिया तब वह शत्रुसेना पलायन कर गई। वे तीनों सभामंडप में एकत्रित हुए। तीनों ने अपना-अपना स्वप्न राजा सोमप्रभ को बताया, परंतु तीनों ही स्वप्न का फल नहीं जानते थे। युवराज को कोई बड़ा लाभ होगा, यह कहकर राजा सोमप्रभ चला गया। श्रेयांस भी अपने भवन में चला गया।
गवाक्ष में बैठे हुए श्रेयांस ने ऋषभ स्वामी को नगर में प्रवेश करते हुए देखा। उसने सोचा, जैसा मेरे प्रपितामह का वेश है, वैसा मैंने कहीं देखा है। सोचते-सोचते उसे पूर्वजन्म की स्मृति हो गयी। पूर्वभव में वह भगवान् का सारथी था। वहां उसने तीर्थंकर वज्रसेन को तीर्थंकर वेश में देखा था। वज्रनाभ के साथ वह भी प्रव्रजित हुआ था। वहां उसने सुना था कि वज्रनाभ भरतक्षेत्र में प्रथम तीर्थंकर होंगे। ये वे ही भगवान् हैं। भगवान् को कुछ भक्त-पान देना चाहिए वह ऐसा सोच ही रहा था कि श्रेयांस के पास एक मनुष्य इक्षुरस से भरे घड़े लेकर आया। श्रेयांस परम हर्ष से युक्त होकर, बहुमूल्य एवं नए कपड़े पहनकर, गोशीर्ष और चंदन का लेप करके, मणि और सुवर्ण से युक्त कुंडलों से उद्योतित मुख वाला होकर, सिर पर मुकुट धारण करके कल्पवृक्ष की भांति अलंकृत और विभूषित होकर, लोगों के द्वारा जय-जय नाद का शब्द किए जाते हुए, परिवार से संवृत होकर उठा। उठकर अपनी पादुका को खोलकर, धोती का उत्तरासंग किया। फिर हाथ जोड़कर आठ-दस कदम भगवान् के मम्मुख आया। तीन बार प्रदक्षिणा देकर भगवान् को वंदना की। अपने भवन के आंगण में स्वयं ही इक्षुरस का घट उठाकर श्रेयांस भगवान् के पास आया। भगवान् ने उसे स्वयोग्य भिक्षा मानकर हाथ पसारे। श्रेयांस ने सारा इक्षुरस अंजलि में उंडेल दिया। भगवान् की अंजलि निश्छिद्र होती है। ऊपर शिखा तक भर देने पर भी नीचे कुछ नहीं गिरता, यह भगवान् की लब्धि है।
भगवान् ने एक वर्ष की तपस्या का पारणा किया। वहां पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए—१. वसुधारा की वृष्टि २. देवताओं द्वारा चेलोत्क्षेप ३. देवदुन्दुभि का वादन ४. गन्धोदक और पुष्पवृष्टि ५. आकाश में अहोदानं का घोष। वहां देवताओं के समूह को देखकर लोग श्रेयांस के भवन पर आए। कुछ तापस और अन्य राजा भी आए। तब श्रेयांस ने उन्हें कहा—'ऐसे भिक्षा दी जाती है। ऐसे मुनियों को भिक्षा देने से सुगति होती है।' तब सभी ने पूछा—'तुमने कैसे जाना कि स्वामी को भिक्षा देनी है।' श्रेयांस बोला—'मैंने जातिस्मृति ज्ञान से यह जान लिया कि मैंने पूर्वभव में स्वामी के साथ आठ जन्म साथ-साथ ग्रहण किए हैं।' यह सुनकर लोगों के मन में कुतूहल हुआ। वे बोले—'हम जानना चाहते हैं कि तुम आठ भवों में स्वामी के साथ किस रूप में रहे?' उनके पूछने पर श्रेयांस ने ऋषभ के साथ अपने आठ भवों के विषय में उन्हें बताया—
१. ईशान देवलोक के श्रीप्रभ विमान में भगवान् ललितांगक देव थे और मैं भगवान् की स्वयंप्रभा देवी थी।
२. पूर्वविदेह के पुष्कलावती विजय के लोहार्गल नगर में भगवान् वज्रजंघ थे और मैं उनकी भार्या श्रीमती थी।
३. उत्तर-पूर्व में भगवान् और मैं युगलरूप में जन्मे।
४. सौधर्म कल्प में हम दोनों देव बने।
५. अपरविदेह में भगवान् वैद्यपुत्र और मैं जीर्णश्रेष्ठी पुत्र केशव भगवान् का छठा मित्र था।
६. अच्युत कल्य में हम दोनों देव बने।
७. पुंडरीकिनी नगर में भगवान् वज्रनाभ बने और मैं सारथी बना।
८. सर्वार्थसिद्ध विमान में हम दोनों देव बने।
इस भव में मैं भगवान् का प्रपौत्र बना। तीनों स्वप्नों को फलश्रुति यही थी कि भगवान् को भिक्षा दी गई। यह सुनकर जनता ने श्रेयांस का अभिवादन किया और सभी अपने-अपने स्थान की ओर प्रस्थित हो गए। जहां भगवान् को दान दिया था, उस स्थान को कोई पैरों से आक्रान्त न करे, इसलिए श्रेयांस ने वहां भक्तिभाव से एक रत्नमय पीठ बनवाया। त्रिसंध्य उसकी अर्चना होने लगी। विशेषत: पर्व के दिनों में वह उस पीठ की अर्चना-पूजा करने के बाद ही भोजन लेता था। लोगों ने पूछा—'यह क्या है? 'श्रेयांस बोला—'यह आदिकर भगवान् ऋषभ का मंडल है।' तब लोगों ने भी जहां-जहां भगवान् ठहरे, वहां-वहां पीठों का निर्माण किया। कालान्तर में वे आदित्यपीठ हो गए।
३९. भगवान् का तक्षशिलागमन तथा कैवल्यप्राप्ति
एक बार भगवान् ऋषभ विहरण करते—करते बाहुबलि की राजधानी तक्षशिला में गए। भगवान् के विषय में समाचार सुनाने के लिए नियुक्त व्यक्तियों ने महाराज बाहुबलि को भगवान् के पदार्पण के समाचार सुनाए। भगवान् बहली नगरी में विकाल में पधारे थे अत: बाहुबलि ने सोचा—'कल प्रात:काल मैं अपने समस्त पारिवारिक जनों तथा पूर्ण समृद्धि के साथ उद्यान में जाकर भगवान् के दर्शन करूंगा। प्रात:काल वह दर्शन करने के लिए प्रस्थित हुआ। स्वामी वहां से अन्यत्र विहरण कर गए। स्वामी को वहां न देखकर बाहुबलि अत्यंत खिन्न हो गया। उसने जहां भगवान् रहे थे, वहां धर्मचक्र का चिह्न बनवाया। वह सर्वरत्नमय, एक योजन परिमंडल वाला तथा पांच योजन ऊंचा दंड था। भगवान् वहां से बहली आदि अनेक जनपदों में निर्विघ्न विहरण करते हुए विनीता नगरी के उद्यानस्थान वाले पुरिमताल नगर में समवसृत हुए। उसके उत्तरपूर्वभाग में शकटमुह उद्यान में भगवान् न्यग्रोध पादप के नीचे बैठे थे। उनके तेले की तपस्या थी। फाल्गुनकृष्णा एकादशी, उत्तराषाढ़ा नक्षत्र, पूर्वाह्न का समय, प्रव्रज्या के दिन से हजार वर्ष बीतने पर, त्रिभुवन के मित्रभूत भगवान् ऋषभ को केवलज्ञान की प्राप्ति हो गयी। देवताओं ने कैवल्य-प्राप्ति का उत्सव मनाया।
४०. चक्ररत्न की उत्पत्ति
भरत के गुप्तचर उसको प्रतिदिन ऋषभ की सुखसाता का संवाद देते थे। भरत को उन्होंने ज्ञानरल और चक्ररत्न—दोनों की उत्पत्ति के समाचार एक साथ दिए। भरत ने सोचा—'पूजा दोनों की करनी है परन्तु पहले किसकी पूजा की जाए? चक्ररत्न की पूजा करूं अथवा पिताश्री की?' उसने मन ही मन समाधान कर लिया कि पिताश्री की पूजा कर लेने पर चक्ररत्न की पूजा स्वयं संपन्न हो जाती है। चक्र ऐहलौकिक सुख का वाहक है और तात परलोक-सुख के हेतु हैं। भरत सर्वऋद्धि के साथ भगवान् को वंदना करने के लिए प्रस्थित हुआ।
४१. मरुदेवा की सिद्धि
ऋषभ के प्रव्रजित हो जाने पर भरत की राज्यश्री को देखकर मरुदेवा बोली—'मेरे पुत्र की भी ऐसी ही राज्यश्री थी। वर्तमान में वह भूखा-प्यासा और नग्न होकर गांव-गांव में घूमता है।' वह भरत के सामने बहुत दु:ख व्यक्त करने लगी। अनेक बार भरत भगवान् की विभूति का वर्णन करता परन्तु मरुदेवा उस पर विश्वास नहीं करती थी। पुत्रशोक से विहल होकर वह रुदन करती। रुदन से उसको आंखें कुम्हला गईं। भगवान् के दर्शन करने जाते समय भरत ने मरुदेवा को साथ चलने के लिए कहा और बोला—'चलो, मैं तुमको भगवान् की विभूति दिखाऊं।' हाथी पर आरूढ मरुदेवा को आगे कर भरत दर्शनार्थ चला। समवसरण के निकट जाकर उन्होंने देखा कि विमानों में आरूढ देवतागण आ रहे हैं, चारों ओर देवदुन्दुभियां बज रही हैं। पूरा गगनमंडल उनके नाद से भर गया है। भरत ने मरुदेवा से कहा—'देखो! इनकी ऋद्धि के समक्ष मेरी समृद्धि तिलतुष मात्र या कोटिशतसहस्रभाग भी नहीं है।' मरुदेवा भगवान् का छत्रातिछत्र अतिशय देख रही थी। उसे तत्काल कैवल्य की प्राप्ति हुई और वह आयुष्य पूर्ण कर सिद्ध हो गई। इस भरत क्षेत्र के अवसर्पिणी काल में वह प्रथम सिद्ध हुई। देवताओं ने पूजा-अर्चा की और मृत शरीर को क्षीर समुद्र में प्रवाहित कर दिया। उस समय भगवान् समवसरण में धर्मकथा कर रहे थे। समवसरण में भरत का पुत्र ऋषभसेन उपस्थित था। उसके पहले ही गणधरनामगोत्र का बंध हो चुका था। उसको विरक्ति हुई और वह प्रव्रजित हो गया। ब्राह्मी ने दीक्षा ग्रहण कर ली। भरत श्रावक बन गया। सुंदरी भी प्रव्रजित हो रही थी, परंतु भरत ने यह कहकर निषेध कर दिया कि वह उसकी स्त्रीरत्न होगी। तब वह श्राविका बनी। चतुर्विध श्रमणसंघ की उत्पत्ति हुई।
भगवान् के साथ अभिनिष्क्रमण करने वाले और बाद में तापस बनने वाले सभी तापस भगवान् के पास आए। वे भी भवनपति, व्यन्तर, ज्योतिष्क एवं वैमानिक देवताओं की परिषद् देखकर भगवान् के पास प्रव्रजित हो गए। कच्छ और महाकच्छ नहीं आए। उस समवसरण में मरीचि आदि अनेक कुमार प्रव्रजित हुए।
४२. भरत का विजय-अभियान
भगवान के कैवल्य का अष्टाह्निक महोत्सव मनाकर भरत चला गया। चक्र की पूजा करने की इच्छा से सिंहासन पर बैठकर उसने कौटुम्बिक पुरुषों को आदेश दिया कि विनीता राजधानी की बाहर और भीतर से सफाई करके गंधोदक का छिड़काव करो। आदेश देकर वह स्वयं मज्जनगृह में प्रविष्ट हुआ। वहां से धूप, फूल, माला आदि हाथ में लेकर आयुधशाला की ओर गया। अनेक राजा, ईश्वर, माडंलिक, सार्थवाह आदि उसके पीछे-पीछे चलने लगे। अनेक दासियां भृंगार, धूप आदि लेकर राजा भरत के पीछे-पीछे चलने लगीं। आयुधशाला में जाकर भरत ने चक्र को प्रणाम करके उसकी पूजा की। पूजा करके भरत अपनी उपस्थानशाला में उपस्थित हुआ। उसने श्रेणी-प्रश्रेणी आदि को आज्ञा दी कि चक्र-उत्पत्ति की प्रसन्नता में आठ दिन का उत्सव मनाया जाए।
महोत्सव की संपन्नता होते ही चक्ररत्न पूर्वाभिमुख होकर गतिमान् हो गया। महाराज भरत भी अपने सैन्यबल के साथ उसके पीछे चला। चक्ररत्न एक योजन दूरी पर जाकर ठहर गया। तब से योजन की संख्या का प्रवर्त्तन हुआ। भरत चक्रवर्ती पूर्व में मागधतीर्थ को प्राप्त हुआ। मागधतीर्थ के पास भरत ने बारह योजन लम्बे तथा नौ योजन चौड़े श्रेष्ठ नगर की भांति विजय नामक स्कंधावार का निर्माण किया। फिर वर्धकि रत्न को बुलाकर आदेश दिया कि शीघ्र ही मेरे लिए आवासस्थल एवं पौषधशाला का निर्माण करो और इसके निर्माण की मुझे सूचना दो। इसके बाद चक्रवर्ती भरत हस्तिरत्न पर चढ़कर पौषधशाला में गया और वहां मागधतीर्थ कुमार को लक्ष्य कर दर्भसंस्तारक पर स्थित होकर तेले की तपस्या की l तेले का पारणा करके वह छत्रसहित अश्वरत्न पर चढ़ा। अपनी चतुरंगिणी सेना के साथ चक्र द्वारा प्रदर्शित मार्ग पर राजाओं के साथ सिंहनाद और जय-जय की ध्वनि करते हुए पूर्व में मागधतीर्थ से लवण समुद्र का अवगाहन किया। रथ से चक्रनाभि तक समुद्र का अवगाहन कर अपना नामांकित बाण छोड़ा। वह बाण बारह योजन दूर मागधतीर्थ कुमार के भवन में जाकर गिरा। कुमार उस बाण को देखकर क्रुद्ध हुआ और भृकुटि चढ़ाकर बोला—'कौन है यह अपार्थितप्रार्थक?' फिर उसने बाण पर अपना नाम देखकर जान लिया कि भारत वर्ष में भरत नामक चक्रवर्ती उत्पन्न हो गया है। तब वह शर, हार, कुंडुल और चूडामणि आदि लेकर भरत के समक्ष उपस्थित होकर बोला—'मैं आपका पूर्ववर्ती अन्तपाल हूं।' तब उसने भरत की अष्टाह्निक महामहिमा की। इसी क्रम से भरत ने दक्षिण में वरदाम और पश्चिम में प्रभास को प्राप्त किया। फिर आकाशमार्ग से चलते-चलते वह सिन्धुदेवी को प्रात हुआ। सिंधुदेवी के भवन के पास विजय स्कंधावार का निर्माण कर भरत ने तेले की तपस्या से सिंधुदेवी की आराधना की। सिंधुदेवी का आसन चलित हुआ। अवधिज्ञान से उसने सारी स्थिति को देखा। उसने अनेक आभरणों आदि से भरत का सम्मान किया। राजा ने भी देवी का सम्मान किया। वहां भी अष्टाह्निक महोत्सव करके भरत ने वैताढ्यगिरि कुमार की आराधना की। उसका भी आसन विचलित हुआ। वहां से चलकर वह तमिस्रगुफा के कृतमाल देव से मिला। तब सुषेण सेनापति ने अर्धसेनाबल के साथ दाक्षिणात्य सिन्धुनिष्कूट तथा उसके पश्चात् तमिस्रगुफा का उद्घाटन किया। सुषेण सेनापति मणिरत्न से प्रकाश कर, दोनों पार्श्वों में पांच-सौ धनुष्य लम्बे-चौड़े उनपचास मंडलों को उत्कीर्ण कर, प्रकाश में दृश्यमान उन्मग्ना-निमग्ना नदी को सेतु से पार कर तमिस्रगुफा से बाहर आया। वहां चिलातों से युद्ध कर उन्हें पराजित किया। पराजित चिलातों ने अपने कुलदेवता मेघमुखकुमारों की आराधना की। कुलदेवता ने सात दिन-रात तक मुसलाधार वर्षा बरसाई। भरत ने भी अपने चर्मरत्न पर स्कंधावार (सेना) को स्थापित कर ऊपर छत्ररत्न स्थापित कर दिया। छत्ररत्न के दंड के मध्य में मणिरत्न रखा। तब लोगों में यह भावना स्थापित हुई कि जगत् अंडे से उत्पन्न हुआ। (यह ब्रह्माण्ड पुराण है।)
पूर्वाह्न में भरत ने शालि को उप्त किया और अपराह्न में उसका भोजन बना लिया। इस प्रकार भरत सात दिन वहां रहा। फिर आभियोगिक देवों ने मेघमुख आदि देवों को डराया-धमकाया। उनके वचनों से चिलात भरत चक्रवर्ती को प्रणाम कर समर्पित हो गए। वहां से वे क्षुल्लकहिमवद्गिरि कुमार देव के पास आए। बाण फेंकने पर वह ७२ योजन ऊपर गया। वहां से ऋषभकूट पर नामांकन किया। सेनापति सुषेण उत्तरदिशा वाले सिन्धुनिष्कूट के पास आया। भरत गंगा के पास गया। फिर सेनापति सुषेण उत्तर में गंगा निष्कूट के पास आया। भरत ने गंगा के साथ हजार वर्ष तक भोग भोगे। फिर वैताढ्य पर्वत पर नमि-विनमि के साथ बारह वर्ष तक युद्ध लड़ा। वे दोनों पराजित हो गए। तब विनमि स्त्रीरत्न लेकर तथा नमि अन्य रत्न लेकर भरत के समक्ष उपस्थित हुआ। भरत वहां से खंडप्रपात गुफा के नृत्यमाल देव के पास आया। खंडप्रपात गुफा से निकल कर गंगा के कूल पर आया, जहां उसे नवनिधियों की प्राप्ति हुई। उसके पश्चात् सुषेण सेनापति दाक्षिणात्य गंगानिष्कूट पर आया।
साठ हजार वर्षों तक विजय-अभियान का संचालन कर भरत विनीता राजधानी में आया। बारह वर्षों में महाराज्याभिषेक संपन्न हुआ। सभी राजे अपने-अपने स्थान पर चले गए। तब भरत ने अपने पारिवारिक वर्ग को याद किया। पारिवारिक लोगों में उसने क्रमश: सुन्दरी को देखा। वह अत्यंत कृश और पांडुर हो गई थी। जिस दिन से उसे अन्त:पुर में अवरुद्ध किया, उसी दिन से उसने आचाम्ल तप करना प्रारम्भ कर दिया था। उसे देखकर भरत ने रुष्ट होकर कौटुंबिक जनों को कहा—'क्या मेरे घर में भोजन नहीं है, जो इसकी यह अवस्था हो गई? क्या वैद्य नहीं थे, जिसके कारण चिकित्सा नहीं हो सकी?' उन्होंने कहा—'महाराज! यह आचाम्ल तप करती है।' तब भरत का सुन्दरी पर अनुराग अल्प हो गया। उसने सुंदरी से कहा—'यदि तुम चाहो तो मेरे साथ रहो, भोग भोगो। यदि यह इच्छा न हो तो प्रव्रजित हो जाओ।' सुन्दरी भरत के चरणों में गिरी। भरत ने उसे विसर्जित कर दिया। वह भगवान् के पास प्रव्रजित हो गई।
एक बार भरत ने अपने भाइयों के पास दूत भेजकर कहलाया कि मेरे राज्य के अधीनस्थ हो जाओ। उन्होंने कहा—'हमको राज्य पिताश्री ने दिए हैं और तुम्हें भी। चलो, हम पिताश्री को पूछेंगे। वे जो कहेंगे, वैसा ही हम करेंगे। उस समय विहरण करते—करते भगवान् अष्टापद पर्वत पर आए। वहां सभी कुमार एकत्रित हुए। उन्होंने भगवान् से कहा—'प्रभो! भरत आपके द्वारा प्रदत्त राज्य का हरण करना चाहता है। हम क्या करें? क्या हम उसके साथ युद्ध करें अथवा उसकी आज्ञा को स्वीकार करें?' तब भगवान् ने उन सबको भोगों से निवृत्त करने के लिए धर्मोपदेश देते हुए कहा—'मुक्ति के सदृश कोई सुख नहीं है। देखो, मैं तुम्हें एक दृष्टान्त सुनाता हूं। एक अंगारदाहक लकड़ियां लेने जंगल में गया। वह अपने साथ पानी से भरा एक घट ले गया। प्यास लगने पर घट का सारा पानी समाप्त हो गया। ऊपर सूर्य तप रहा था। दोनों पार्श्व में अंगार बनाने के लिए अग्नि प्रज्वलित थी। लकड़ियों को तोड़ने में पूरा परिश्रम हो रहा था। घर जाकर उसने पानी पीया और मूर्च्छित होकर गिर पड़ा। उसने स्वप्न में देखा कि उसे तीव्रतम प्यास लगी है और उसने उस समय प्यास को मिटाने के लिए सारे कूट, तालाब, नदी, सरोवर और समुद्र का पानी पी लिया है, फिर भी प्यास नहीं मिटी। उसने एक तृण पूला लिया। एक जीर्ण कूप में थोड़ा सा पानी था। उसने पूले से पानी बाहर निकालना चाहा। कुछेक बुंदें जो तृण पूले के लगी थीं, उनको अपनी जिह्मा पर डालकर स्वाद लेने लगा। क्या उस पानी से उसकी प्यास बुझेगी?'
तुम सबने भी अनुत्तर शब्द, स्पर्श आदि का सर्वार्थसिद्ध देवलोक में उपभोग किया है। फिर भी तृप्ति नहीं मिली भगवान् ने उन्हें वैतालिक ( सूत्राकृतांग का दूसरा अध्ययन) 'सबुज्झह किं न बुज्झह' का उपदेश दिया। गाथाएं सुनकर एक-एक कर कुमार सबुद्ध होते गए और ९८ श्लोकों को सुनकर सभी भाई प्रव्रजित हो गए।
४३. बाहुबलि को कैवल्य
अठानवें भाइयों के प्रव्रजित हो जाने पर भरत ने बाहुबलि के पास दूत भेजा। जब बाहुबलि को यह ज्ञात हुआ कि ९८ भाई प्रव्रजित हो गए हैं, तो वह बहुत रुष्ट हुआ। दूत को सुनाते हुए बाहुबलि बोला—'भरत! तुमने उन भाइयों को प्रव्रज्या लेने के लिए बाध्य कर दिया। वे बालक थे, असमर्थ थे।' पर मैं युद्ध करने में समर्थ हूं। जाओ, भरत को कहो कि मुझे जीते बिना उसकी कौनसी जीत! और कैसा चक्रवर्तित्व? दोनों ओर युद्ध की तैयारी हुई और दोनों सेनाएं देश के प्रान्त भाग में आ मिलीं। बाहुबलि ने भरत से कहा—'निर्दोष लोगों को मारने से क्या लाभ? मैं और तुम-दो ही युद्ध करें।' भरत ने स्वीकृति दे दी। सबसे पहले दृष्टियुद्ध हुआ। भरत उसमें पराजित हो गया। दूसरे वाग्युद्ध में भी भरत हार गया। बाहुयुद्ध में भी उसकी पराजय हुई। मुष्टियुद्ध में भी वह हार गया। अब अंतिम था दंडयुद्ध। उसमें भी पराजित होते हुए भरत ने सोचा—'क्या यह बाहुबलि ही चक्रवर्ती है जो मैं इससे पराजित होता जा रहा हूं?' उसके इस प्रकार चिन्तन करने पर देवताओं ने उसे दिव्य दंडरत्न का आयुध दिया। भरत उस दंडरत्न को लेकर दौड़ा। बाहुबलि ने देखा कि भरत दिव्य आयुध लेकर आ रहा है। बाहुबलि का अहं बोला—'मैं इस भरत को इस दिव्यरत्न के साथ नष्ट कर दूंगा।' फिर उसने सोचा—'भरत प्रतिज्ञाच्युत हो गया है। इन तुच्छ कामभोगों के लिए इस भ्रष्टप्रतिज्ञ को मारना उचित नहीं है। मेरे अन्यान्य भाइयों ने प्रव्रज्या लेकर अच्छा किया। मैं भी उसी अनुष्ठान का अनुसरण करूं', यह सोचकर वह भरत से बोला—'धिक्कार है, धिक्कार है तुम्हारे पुरुषार्थ को जो तुम अधर्म-युद्ध करने में प्रवृत्त हुए, हो। मुझे अब भोगों से कोई प्रयोजन नहीं है। राज्य तुम ले लो। मैं प्रव्रज्या ग्रहण करता हूं।' वह अपने हाथ में पकड़े हुए युद्धदंड को वहीं छोड़कर प्रव्रजित हो गया। भरत ने तक्षशिला का राज्य बाहुबलि के पुत्र को दे दिया।
प्रव्रजित होकर बाहुबलि ने सोचा—'पिताश्री के पास मेरे लघु भाई प्रव्रजित हैं। उन्हें ज्ञानातिशय लब्ध है। मैं ज्ञान के अतिशय से शून्य हूं। मैं उन्हें कैसे वंदन करूंगा? मुझे जब तक केवलज्ञान की प्राप्ति नहीं हो जाती, तब तक मैं यहीं साधना करूंगा।' यह सोचकर बाहुबलि प्रतिमा में स्थित हो गए। वे अहंकार रूपी पर्वतशिखर पर आरूढ थे। भगवान् ऋषभ बाहुबलि को स्थिति को जानते थे, फिर भी किसी को समझाने नहीं भेजा क्योंकि तीर्थंकर अमूढलक्ष्य होते हैं। बाहुबलि एक वर्ष तक कायोत्सर्ग प्रतिमा में स्थित रहे। लताओं ने उनके शरीर को वेष्टित कर दिया। वल्मीक से निकले भुजंगमों ने पैरों को घेर लिया। एक वर्ष बीत जाने पर भगवान् ऋषभ ने ब्राह्मी और सुन्दरी को बाहुबलि के पास भेजा। पहले उन्होंने इसलिए नहीं भेजा क्योंकि वे जानते थे कि अभी बाहुबलि इसे सम्यक् ग्रहण नहीं करेगा। ढूंढते-ढूंढते ब्राह्मी और सुन्दरी ने बाहुबलि का शरीर वल्लियों से वेष्टित देखा। उनके केश लंबे हो गए थे। देखकर उन्होंने वन्दना की। दोनों बहिनें बोलीं—'मुने! पिताश्री भगवान् ऋषभ ने कहा है कि हाथी पर आरूढ व्यक्ति को कैवल्य की उपलब्धि नहीं हो सकती।' इतना कहकर वे दोनों चली गई। यह सुनकर बाहुबलि ने सोचा—'यहां हाथी कहां है? पिताश्री असत्य नहीं कहते।' सोचते-सोचते वे जान गए कि मैं मान रूपी हाथी पर आरूढ हूं। मुझे अभिमान किसका करना चाहिए? मैं जाऊं और भगवान् तथा दूसरे भाई मुनियों को भी वंदना करूं। यह सोचकर बाहुबलि ने ज्योंही चरण उठाए केवलज्ञान उत्पन्न हो गया। वहां से चलकर वे भगवान् के समवसरण में पहुंचे और केवली-परिषद् के बीच बैठ गए।
४४. भरत का भगवान् के पास आगमन और यज्ञोपवीत का प्रवर्तन
भगवान् ऋषभ विहरण करते हुए अष्टापद पर आए। वहां समवसरण की रचना हुई। भाइयों की प्रव्रज्या से भरत बहुत खिन्न हो गया। उसने सोचा, 'कदाचित् प्रव्रजित भाई पुन: भोगों के प्रति आकृष्ट होंगे। यदि वे भोग स्वीकार करेंगे तो मैं उनको दे दूंगा।' वह भगवान् के पास आया और भोग-स्वीकार करने के लिए मुनियों को निमंत्रण दिया पर वे सब त्यक्तसंग थे अत: वान्त भोगों को इच्छा नहीं की। भरत ने सोचा, 'इन त्यागी मुनियों को आहार का दान देकर धर्मानुष्ठान करूं।' यह सोचकर वह पांच-सौ शकटों में विभिन्न प्रकार का आहार भरकर वहां लाया और मुनियों को आहार लेने के लिए निमंत्रित किया। भगवान् ने मुनियों को आधाकर्म आहार लेना नहीं कल्पता—यह कहकर आहार ग्रहण करने की मनाही कर दी फिर भरत ने अकृत और अकारित अन्न-पान के लिए निमंत्रित किया पर मुनियों ने उसे भी राजपिंड कहकर नकार दिया। भरत ने सोचा—'मैं सभी प्रकार से भगवान् द्वारा परित्यक्त हो गया हूं।' वह उन्मना और उदास हो गया। यह देखकर इन्द्र ने उसके शोक को शान्त करने के लिए भगवान् को अवग्रह के विषय में पूछा। भगवान् बोले—'अवग्रह पांच प्रकार का होता है—देवेन्द्रावग्रह, राजावग्रह, गुहपतिअवग्रह, सागारिकअवग्रह और साधर्मिकअवग्रह। इन अवग्रहों में राजा-भरत, गृहपति—मांडलिक राजा, सागारिक—शय्यातर और साधर्मिक—मुनि हैं। इनमें उत्तरोत्तर से पूर्व-पूर्व बाधित होता है। जैसे—राजावग्रह से देवेन्द्रावग्रह बाधित होता है।' यह सुनकर देवेन्द्र ने भगवान् से कहा—'भंते! ये सारे श्रमण मेरे अवग्रह में विहरण कर रहे हैं, मैं इनको अवग्रह की आज्ञा देता हूं', इतना कहकर वह भगवान् के उपपात में बैठ गया। भरत ने सोचा, 'मैं भी अपना अवग्रह समर्पित कर कृतार्थता का अनुभव करूं।' भगवान् के समक्ष उसने अपने अवग्रह की आज्ञा दी। फिर उसने देवेन्द्र से पूछा—'जो भक्तपान लाया गया है, उसका मैं क्या करू?' देवेन्द्र बोला—'स्वयं से गुणों में उत्तम की पूजा करो।' भरत ने सोचा कि साधुओं के अतिरिक्त मेरे से उत्तर कौन है? सोचते-सोचते उसने जाना कि विरताविरत होने के कारण श्रावक उत्तर हैं। उसने आनीत सारा भक्तपान श्रावकों को दे दिया।
भरत ने श्रावकों को बुलाकर कहा—'तुम सब प्रतिदिन मेरे यहीं भोजन करो। खेती आदि मत करो, निरंतर स्वाध्याय में निरत रहो। भोजन करने के पश्चात् मेरे भवन के द्वार पर स्थित होकर प्रतिदिन मुझे प्रतिबोधित करो।' वे प्रतिदिन भरत को कहने लगे—'जितो भवान् वर्धते भयं तस्मान् मा हन मा हनेति' भोगप्रमत्त भरत ने उन शब्दों को सुनकर तत्काल सोचा, 'मैं किनके द्वारा जीता गया हूं। ओह, जान गया। कषायों ने मुझको जीत लिया है। उनसे ही भय बढ़ता है'—यह सोचकर भरत को संवेग उत्पन्न हुआ।
इधर भोजन करने वालों की संख्या अधिक हो जाने के कारण रसोइये रसोई बनाने में असमर्थ हो गए। वे भरत के पास आकर बोले—'हम नहीं जान पाते कि कौन श्रावक है और कौन नहीं।' लोग बहुत आते हैं। भरत बोला—'तुम उनको पूछ-पूछ कर भोजन दिया करो।' वे पूछने लगे—'आप कौन हैं?' वे कहते—'हम श्रावक हैं।' जब उनको पूछा जाता कि श्रावकों के कितने व्रत होते हैं तो वे कहते—'श्रावको के कोई व्रत नहीं होते।' कुछेक कहते—हमारे पांच अणुव्रत और सात शिक्षाव्रत हैं। जो ऐसे थे, उनके विषय में राजा को बताया गया। भरत ने उन श्रावकों को काकिणीरत्न से चिन्हित कर दिया। छह महीने बाद जो अन्य श्रावक बनते उनको भी चिन्हित कर दिया जाता। इस प्रकार छह-छह मास बाद अनुयोग (परीक्षण) होने लगा। इस प्रकार ब्राह्मणों की उत्पत्ति हुई। उन्होंने अपने पुत्रों को साधुओं के चरणों में समर्पित किया। वे प्रव्रजित हो गए। शेष व्यक्ति परीषहों के भय से मुनि नहीं बने, श्रावक ही बने रहे। यह भरत के राज्य की स्थिति थी। जब भरतपुत्र आदित्ययश राजा बना, उसके पास काकिणीरत्न नहीं था। उसने स्वर्णमय यज्ञोपवीत बनवाए। महायश आदि राजाओं ने चांदी के तथा किसी ने सूत के यज्ञोपवीत बनवाकर पहनाए। यह यज्ञोपवीत के प्रवर्तन की कहानी है।
कालान्तर में भगवान् अष्टापद पर्वत पर समवसृत हुए। भरत वहां ऋद्धि के साथ भगवान् के दर्शनार्थ गया। भगवान् की महिमा और ऋद्धि को देखकर उसने भगवान से पूछा—'भगवन्! क्या आपके समान इस भरतक्षेत्र में और भी तीर्थंकर होंगे?' भगवान् ने कहा—'मेरे समान तेवीस तीर्थंकर और होंगे।' भरत ने पुन: पूछा—'क्या मेरे जैसे चक्रवर्ती भी और होंगे?' भगवान् ने कहा—'तुम्हारे जैसे सगर आदि ग्यारह चक्रवर्ती और होंगे।' भगवान् की पर्युपासना कर भरत वापिस अपने स्थान पर लौट गया।
४५. शक्रोत्सव का प्रारम्भ
भरत ने देवेन्द्र का दिव्य रूप देखकर पूछा—'क्या तुम इसी रूप में देवलोक में रहते हो या अन्य रूप में?' देवेन्द्र बोला—'नहीं, यह उत्तर रूप है। हमारा मूलरूप मनुष्य नहीं देख सकता क्योंकि वह बहुत तेजस्वी होता है।' भरत बोला—'उस आकृति को देखने के लिए हमारे मन में कुतूहल है। आप हमें दिखाएं।' देवराज ने कहा—'तुम उत्तमपुरुष हो इसलिए शरीर का अवयव मात्र दिखाता हूं।' तब देवेन्द्र ने योग्य अलंकारों से विभूषित अत्यंत भास्वर अंगुलि मात्र दिखाई उसे देखकर भरत अत्यन्त प्रसन्न हुआ। भरत ने इन्द्रांगुलि के रूप में इंद्रध्वज की स्थापना कर अष्टाह्निक महिमा का आयोजन किया। यही शक्रोत्सव का प्रारंभ था, जो प्रतिवर्ष मनाया जाने लगा।
४६. ऋषभ का निर्वाण
अष्टापद पर्वत पर भगवान् ने बेले की तपस्या में प्रायोपगमन अनशन स्वीकार कर लिया। भरत ने जब यह समाचार सुना तो शोक-संतप्त हृदय से पैदल ही अष्टापद पर्वत की ओर दौड़ा। उसने दु:खी हृदय से भगवान् को वंदना की। उस समय शक्र का आसन चलित हुआ। अवधिज्ञान से उसने सारी स्थिति को जाना। भगवान् के पास आकर अश्रुपूर्ण नयनों से उसने भगवान् को वंदना एवं पर्युपासना की। उस समय वे अनेक देवी-देवताओं से संवृत्त थे। छट्ठमभक्त में दस हजार अनगारों के साथ भगवान् निर्वाण को प्राप्त हो गए।
भगवान् का निर्वाण होने पर शक्र ने देवों को आदेश दिया—'नंदनवन से शीघ्र ही गोशीर्ष चंदन लाकर चिता की रचना करो। गोलाकार आकृति वाली चिता पूर्व में निर्मित करो, वह तीर्थंकर ऋषभ के लिए होगी। एक त्र्यंस आकार वाली चिता दक्षिण दिशा में निर्मित करो, जो इक्ष्वाकु वंश में उत्पन्न अनगारों के लिए होगी। एक चतुरस्र चिता उत्तरदिशा में निर्मित करो, जो शेष अनगारों के लिए होगी।' देवताओं ने उसी रूप में चिताओं का निर्माण किया। इसके पश्चात् इंद्र ने आभियोगिक देवों को बुलाकर उन्हें आदेश दिया—'शीघ्र ही क्षीरोदक समुद्र से पानी लेकर आओ। देवताओं ने उस आदेश का पालन कर दिया। तब शक्र ने तीर्थंकर के शरीर को क्षीर समुद्र के पानी से स्नान करवाया। स्नान कराकर श्रेष्ठ गोशीर्ष चंदन का शरीर पर लेप किया। भगवान् को श्वेत वस्त्र धारण करवाए तथा सब प्रकार के अलंकारों से उनके शरीर को विभूषित किया। इसके पश्चात् भवनपति और व्यंतर देवों ने गणधर और शेष अनगारों के शरीर को स्नान करवाकर अक्षत देवदूष्य पहनाए।
तब इन्द्र ने भवनपति और वैमानिक देवों को आदेश दिया कि अनेक चित्रों से चित्रित शिविकाओं का निर्माण करो। एक भगवान् ऋषभ के लिए, एक गणधर के लिए तथा एक अवशेष साधुओं के लिए। देवताओं ने आदेश के अनुसार शिविकाओं का निर्माण कर दिया। इन्द्र ने भगवान् के शरीर को शिविका में ले जाकर दु:खी हृदय और अश्रुपूर्ण नयनों से चिता पर स्थापित किया। अनेक भवनपति और वैमानिक देवों ने गणधरों और शेष अनगारों के शरीर को चिता पर रखा। तब इंद्र ने अग्निकुमार देवों को बुलाकर तीनों चिताओं में अग्निकाय की विकुर्वणा करने का आदेश दिया। अग्निकुमार देवों ने मुख से अग्नि का प्रक्षेप किया तभी से जगत् में प्रसिद्ध हो गया कि 'अग्निमुखा: वै देवा:।' वायुकुमार देवों ने वायु की विकुर्वणा की, जिससे अग्नि तीव्र गति से प्रज्वलित हो सके। इंद्र के आदेश से भवनपति देवों ने चिता में अगुरु, तुरुष्क, घृत, मधु आदि द्रव्य डाले, जिससे शरीर का मांस और शोणित जल जाए। मेघकुमार देवों ने क्षीरसागर के पानी से चिता को शान्त किया।
भगवान् की ऊपरी दक्षिण दाढा को शक्र ने, वाम दाढा को ईशानेन्द्र ने, नीचे की दक्षिण दाढा को चमर ने तथा वाम दाढा को बलि ने ग्रहण किया। शेष देवों ने भगवान् के शेष अंग ग्रहण किए।
इसके पश्चात् भवनपति और वैमानिक देवों ने इंद्र के आदेश से तीन चैत्य-स्तूपों का निर्माण किया। चारों प्रकार के देव निकायों ने भगवान् का परिनिर्वाण महोत्सव मनाया। फिर देवों ने नंदीश्वरद्वीप में जाकर अष्टाह्निक महोत्सव मनाया। महोत्सव सम्पन्न करके सब अपनी-अपनी सुधर्मा-सभा के चैत्यस्तम्भ के पास गए। वहां वज्रमय गोल डिब्बे में भगवान् को दाढा को रख दिया।
नरेश्वरों ने भगवान् की भस्म ग्रहण की। सामान्य लोगों ने भस्म के डोंगर बनाए। तब से भस्म के डोंगर बनाने की परम्परा चलने लगी। लोगों ने उस भस्म के पुंड्र भी बनाए। श्रावक लोगों ने देवताओं से भगवान् की दाढा आदि की याचना की। याचकों की अत्यधिक संख्या से अभिद्रुत होकर देवों ने कहा—'अहो याचक! अहो याचक!' तब से याचक परम्परा का प्रारम्भ हुआ! उन्होंने वहां से अग्नि ग्रहण करके उसे अपने घर में स्थापित कर लिया इसलिए वे आहिताग्नि कहलाने लगे। उस अग्नि को भगवान् के पुत्र, इक्ष्वाकुवंशी अनगारों तथा शेष अनगारों के पुत्र भी ले गए।
भरत ने वर्धकिरत्न से चैत्यगृह का निर्माण करवाया। उसने एक योजन लम्बा-चौड़ा तथा तीन गव्यूत ऊंचा सिंह निषद्या के आकार में आयतन बनवाया। कोई आक्रमण न कर दे इसलिए लोहमय यंत्रपुरुषों को द्वारपाल के रूप में नियुक्त किया। दंडरत्न से अष्टापद की खुदाई करवाकर एक-एक योजन पर आठ-आठ पगलिए बनवा दिए। सगर के पुत्रों ने अपनी कीर्ति एवं वंश के लिए दंडरत्न से गंगा का अवतरण करवाया।
४७. भरत को कैवल्य-प्राप्ति
भगवान् के निर्वाण के पश्चात् भरत अयोध्या आ गया। कुछ समय पश्चात् वह शोक से मुक्त हो गया और पांच लाख पूर्व तक भोग भोगता रहा। एक बार वह सभी अलंकारों से विभूषित होकर अपने आदर्शगृह में गया। वहां एक कांच में सर्वांग पुरुष का प्रतिबिम्ब दीखता था। वह स्वयं का प्रतिबिम्ब देख रहा था। इतने में ही उसकी अंगूठी नीचे गिर पड़ी। उसको ज्ञात नहीं हुआ। वह अपने पूरे शरीर का निरीक्षण कर रहा था। इतने में ही उसकी दृष्टि अपनी अंगुलि पर पड़ी। उसे वह असुंदर लगी। तब उसने अपना कंकण भी निकाल दिया। इस प्रकार वह एक-एक कर सारे आभूषण निकालता गया। सारा शरीर आभूषण रहित हो गया। उसे पद्मविकल पद्मसरोवर को भांति अपना शरीर अशोभायमान लगा। उसके मन में संवेग उत्पन्न हुआ। वह सोचने लगा—'आगंतुक पदार्थों से विभूषित मेरा शरीर सुंदर लगता था पर वह स्वाभाविक रूप से सुंदर नहीं है।' इस प्रकार चिन्तन करते हुए अपूर्वकरणध्यान में उपस्थित भरत को केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई। देवराज शक्र ने आकर कहा—'आप द्रव्यलिंग धारण करें, जिससे हम आपका निष्क्रमण-महोत्सव कर सकें।' तब भरत ने पंचमुष्टि लुंचन किया। देवता ने रजोहरण, पात्र आदि उपकरण प्रस्तुत किए। महाराज भरत दस हजार राजाओं के साथ प्रव्रजित हो गए।। शेष नौ चक्रवर्ती हजार-हजार राजाओं से प्रव्रजित हुए। शक्र ने भरत को वंदना की। भरत एक लाख पूर्व तक केवली-पर्याय का पालन कर मासिक संलेखना में श्रवण नक्षत्र में अष्टापद पर्वत पर परिनिर्वृत हो गया। भरत के बाद इन्द्र ने आदित्ययश का अभिषेक किया। इस प्रकार एक के बाद एक आठ पुरुषयुग अभिषिक्त हुए। उसके बाद के राजा उस मुकुट को धारण करने में समर्थ नहीं हुए।
४८. मरीचि का भव-भ्रमण
भगवान् के परिनिर्वृत होने पर मरीचि साधुओं के साथ विहरण करता था। उसके पास जो भी व्यक्ति प्रवचन सुनने आता उसे दीक्षा देकर वह साधुओं को उपहृत कर देता। एक बार वह ग्लान हो गया। साधु असंयत की सेवा नहीं करते इसलिए संक्लिष्ट परिणामों के साथ वह सोचने लगा—'अहो, ये साधु अनुकंपा रहित हैं अत: मुझे किसी सेवाभावी को दीक्षा देनी चाहिए।' कालान्तर में वह रोगमुक्त होकर पुन: विहरण करने लगा। एक बार कपिल नामक राजकुमार उसके पास धर्म-श्रवण करने आया। मरीचि ने उसे अनगार धर्म में प्रव्रजित होने की प्रेरणा दी। कपिल ने पूछा—आपने यह अलग मार्ग क्यों अपना रखा है?' मरीचि बोला—'साधुओं का धर्म ही सही है। मैं भारीकर्मा इस पथ पर चलने में समर्थ नहीं हूं। इन साधुओं में पूरा धर्म है पर कुछ धर्म यहां भी है।' इस एक दुर्भाषित से उसने संसार की वृद्धि कर ली और कोटाकोटि सागरोपम तक संसार में भ्रमण करता रहा।
कपिल भी कर्मोंदय से साधुधर्म की ओर अभिमुख नहीं हुआ। मरीचि ने सोचा कि यह साधुधर्म स्वीकार नहीं करता अत: उसे सहायक समझकर दीक्षित कर दिया। कपिल अब मरीचि के साथ विहरण करने लगा।
दुर्भाषित एवं गर्व का प्रतिक्रमण किए बिना मरीचि ८४ लाख पूर्व का आयुष्य पूर्ण कर ब्रह्मलोक में दस सागरोपम की स्थिति वाला देव बना। कपिल शास्त्र एवं पुस्तक के ज्ञान से विकल था। वह प्रवचन करना नहीं जानता था। उसने एक शिष्य आसुरी को दीक्षित किया और उसे आचार का प्रशिक्षण दिया। कालान्तर में वह भी मरकर ब्रह्मलोक में उत्पन्न हुआ। कपिल ने अवधिज्ञान का उपयोग किया और सोचा—'मैंने कौन सा यज्ञ और हवन किया? क्या दान दिया, जिससे मुझे यह दिव्य ऋद्धि प्राप्त हुई है?' अवधिज्ञान से उसने आसुरी को देखा। उसे चिंता उत्पन्न हो गयी कि मेरा शिष्य आसुरी कुछ भी नहीं जानता है अत: उसे तत्वों का उपदेश देना चाहिए। कपिल पांच वर्ण का मंडल बनाकर आकाश में स्थित हो गया और तत्त्वों की जानकारी दी। तभी षष्टितंत्र का निर्माण हुआ। इस प्रकार कुतीर्थ का प्रवर्तन हो गया।
४९. त्रिपृष्ठ वासुदेव
राजगृह नगर में विश्वनंदी राजा राज्य करता था। उसके भाई का नाम विशाखभूति था। वह युवराज था। उसकी पत्नी धारिणी देवी थी। उसके विश्वभूति नामक पुत्र था। राजा के पुत्र का नाम था विशाखनंदी। विश्वभूति की आयु कोटि वर्ष की थी। राजगृही में पुष्पकरंडक नाम का उद्यान था। विश्वभूति वहां अंत:पुर के साथ सुखपूर्वक विचरण कर रहा था। विशाखनंदी की माता की दासियां पुष्पकरंडक उद्यान से पुष्प-पत्र लाती थीं। वे विश्वभूति को क्रीड़ा करती हुई देखती थीं। ईर्ष्यावश उन्होंने महारानी से कहा—'कुमार विश्वभूति वहां इस प्रकार क्रोडा करता है फिर केवल राज्य और बल से हमारा क्या प्रयोजन? यदि विशाखनंदी राजकुमार भी विश्वभूति जैसे भोग नहीं भोगता तो हमारा तो केवल नाम है। राज्य तो युवराज का है। महारानी दासी की यह बात सुनकर ईर्ष्यावश कोपगृह में प्रविष्ट हो गई। यदि राजा की जीवित अवस्था में ऐसी दशा है तो राजा के मर जाने पर हमारा क्या होगा? हमें कौन गिनेगा? राजा ने उसे बहुत समझाया पर वह प्रसन्न नहीं हुई। उसने कहा—'मुझे राज्य से अथवा तुमसे क्या प्रयोजन?' राजा ने अमात्य को समझाने के लिए कहा। अमात्य के समझाने पर भी वह नहीं मानी तब अमात्य बोला—'राजन्! देवी के वचनों का अतिक्रमण मत करो। वह कहीं आत्मघात न कर ले।' राजा ने पूछा—'इसके लिए क्या उपाय किया जाए? हमारे वंश की यह परम्परा नहीं कि उद्यान में एक व्यक्ति के जाने पर दूसरा राजकुमार जाए।'
बसन्त ऋतु आने तक विश्वभूति वहां रहा। आगे एक मास और रह गया। अमात्य ने राजा से कहा—'अब उपाय करना चाहिए।' उसने सुझाव देते हुए राजा से कहा—'अमुक प्रत्यन्त देश का राजा अत्यन्त उद्धत हो गया है। ऐसा कूटलेख आज्ञापित पुरुष यहां लाए। तब राजा यात्रा करने और युद्ध के लिए प्रस्थान करने का निश्चय करे।' विश्वभूति ने जब यात्रा को बात सुनी तो उसने कहा—'मेरे जीवित रहते आप युद्ध के लिए प्रस्थान क्यों करते हैं? विश्वभूति प्रत्यन्त देश में गया! तब विशाखनंदी उद्यान में जाने लगा। वहां किसी उपद्रवकारी राजा या जनता को नहीं देखा तो वह घूम-फिर कर लौट आया। कोई भी राजाज्ञा का अतिक्रमण नहीं कर रहा है, यहू सोचकर वह पुन: पुष्पकरंडक उद्यान में आ गया। द्वारपालों ने उसे रोकते हुए कहा—'स्वामिन्! अन्दर न जाएं।' उसने पूछा—'क्यों? द्वारपाल बोला—'यहां विशाखनंदी क्रीडारत है।' यह सुनकर विश्वभूति कुपित हो गया। उसने जान लिया कि धोखे से मुझे यहां से निकाला गया है। वहां कपित्थ की अनेक लताएं थीं। वे फलों के भार से झुकी हुई थीं। एक मुष्टि के प्रहार से बहुत सारे कपित्थ भूमि पर आ गिरे। उसने रूपक की भाषा में उनको संबोधित कर कहा—'जैसे मैंने तुमको नीचे गिराया है, वैसे ही चाचा के गौरव को भी नीचे न कर डाला तो मेरा नाम नहीं। मुझे छद्मा से हटाया गया है। अब मुझे भोगों से क्या प्रयोजन?' वह भोगों को अपमान का निमित्त मानकर, उनका परित्याग कर स्थविर आर्यसंभूत के पास दीक्षित हो गया। उसके प्रव्रजित होने की बात सुनकर राजा अपने अन्त:पुर के साथ वहां गया। युवराज भी वहां पहुंचा। उन सबने मुनि से क्षमायाचना की। मुनि ने उनकी प्रार्थना पर ध्यान नहीं दिया। वह विविध बेले-तेले आदि तपस्या से अपने आपको भावित करता हुआ विहरण करने लगा।
विहार करते हुए एक बार वे मथुरा नगरी में गए। इधर विशाखनंदी भी कार्यवश मथुरा की ओर चला। वहां के राजा की अग्रमहिषी उनकी भुआ थी। उसकी लड़की के साथ उसका वाग्दान हो गया। उसे राजमार्ग पर आवास दिया गया। अनगार विश्वभूति मासक्षपण के पारणे के लिए घूमता हुआ उसी स्थान पर आया, जहां विशाखनंदी ठहरा हुआ था। उसके अनुचरों ने कहा—'स्वामिन्! आप इसे नहीं जानते। यह कुमार विश्वभूति है।' यह सुनकर अनगार विश्वभूति को देखकर उसके मन में रोष उत्पन्न हुआ। इतने में ही एक तत्काल ब्याई हुई गाय ने मुनि को नीचे गिरा दिया। तब वहां उपस्थित सभी लोगों ने जोर से अट्टहास किया और कहा—'कपित्थ को गिरा देने का तुम्हार बल आज कहां चला गया? तब अनगार ने उस ओर देखा तो विशाखनंदी कुमार दृग्गोचर हुआ। उसने आवेश में उस गाय को अग्रसींगों से उठाकर ऊपर उछाला। क्या श्रृगाल दुर्बल सिंह के बल का अतिक्रमण कर सकते हैं? मुनि वहां से चला गया। उसने सोचा, इस युवराज का आज भी मेरे प्रति रोष है। तब उसने निदान किया—'यदि मेरे इस तपनियम तथा ब्रह्मचर्य का फल हो तो मैं आगे अपरिमित बल वाला बनूं। उसने निदान की आलोचना-प्रतिक्रमण नहीं किया। वह महाशुक्र देवलोक में उत्कृष्ट स्थिति वाला देव बना। महाशुक्र से च्युत होकर वह पोतनपुर नगर में राजा प्रजापति की मृगावती रानी के गर्भ से पुत्ररूप में उत्पन्न हुआ। मां ने सात स्वप्न देखे। स्वप्नपाठकों ने बताया कि यह पहला वासुदेव होगा। गर्भ की अवधि पूरी होने पर मृगावती ने पुत्र का प्रसव किया। उसके तीन पृष्ठकरण्डक थे इसलिए पुत्र का नाम त्रिपृष्ठ रखा। माता ने उष्णतैल से उसकी मालिश की। क्रमश: वह यौवन को प्राप्त हुआ।'
अश्वग्रीव महामांडलिक राजा था। उसने नैमित्तिक से पूछा—'मुझे किससे भय है?' नैमित्तिक बोला—'जो चंडमेघ नामक दूत तथा तेरे महाबलशाली सिंह को मारेगा, उससे तुझे भय है।' अश्वग्रीव ने सुना कि प्रजापति के दोनों पुत्र महाबलशाली हैं तो उसने वहां एक दूत को भेजा। उस समय अन्त:पुर में नाटय-संगीत चल रहा था। दूत भीतर गया। नाट्य-संगीत का क्रम टूट गया। दोनों कुमारों ने रुष्ट होकर कहा—'कौन है वह?' अनुचरो ने कहा—'महाराज अश्वग्रीव का दूत है।' कुमार बोले—'जब यह यहां से जाए तब हमें बताना।' राजा ने दूत का सम्मान कर उसे विसर्जित कर दिया। वह अपने देश की ओर चल पड़ा अनुचरों ने दूत के जाने की बात कही। कुमार उसके पीछे गए और मार्ग में ही उसको मार डाला। दूत के जो सहायक पुरुष थे, वे चारों ओर भाग गए। महाराज प्रजापति ने सुना कि दूत मारा गया है तो वे संभ्रान्त होकर वहां आए। उन्होंने दुगुना, तिगुना धन देकर कहा कि महाराजा अश्वग्रीव को यह ज्ञात न होने पाए कि कुमारों ने दूत को मारा है। उसने कहा—'मैं नहीं कहूंगा।' परन्तु जो पहले पहुंच गए थे उन्होंने दूत के मारे जाने की बात अश्वग्रीव को बताई। वह अत्यंत कुपित हो गया।
अश्वग्रीव ने दूसरे दूत को बुलाकर कहा— 'तुम जाओ और महाराज प्रजापति को कहो कि मेरे शालिवन की रक्षा करे।' दूत ने जाकर सारी बात बताई। राजा ने कुमारों को उपालंभ देते हुए कहा—'तुमने अकाल में ही मृत्यु को क्यों आमंत्रित किया है?' उसने बिना क्रम के ही हमें यात्रा की आज्ञा दी है। आज्ञा के अनुसार राजा जाने लगा तो कुमार बोले—'हम जाएंगे।' रोकने पर भी वे नहीं रुके। उन्होंने क्षेत्रिकों से पूछा—'क्या अन्य राजाओं ने भी खेतों की रक्षा की है?' वे बोले—'अश्व, हाथी, रथ और पुरुषों का प्राकार बनाकर जब तक कर्षण होता है, तब तक वे रक्षा करते हैं।' त्रिपृष्ठ ने पूछा—'वे इतने समय तक कहां रहते हैं, मुझे वह स्थान दिखाओ।' छद्यवश आरक्षक बोले—'वे इस गुफां में रहते हैं।' त्रिपृष्ठकुमार रथ पर बैठ कर गुफा में प्रविष्ट हुआ। लोगों ने दोनों ओर से हर्षध्वनि की। गुफावासी सिंह अंग मरोड़ता हुआ बाहर निकला। कुमार ने सोचा—यह पैदल है, मैं रथ पर आरूढ हूं। यह असदूश युद्ध होगा। हाथ में तलवार लेकर वह रथ से नीचे उतर गया। फिर उसने सोचा—'इस सिंह के पास दाढा और नख ही आयुध हैं, मेरे हाथ में तलवार है। यह भी असमानता है।' उसने हाथ से तलवार दूर फेंक दी। सिंह क्रोधित हो गया। उसने सोचा—पहली बात है—यह रथ पर आरूढ होकर अकेला गुफा में आया है। दूसरी बात वर्तमान में यह भूमि पर खड़ा है। तीसरी बात इसने शस्त्रास्त्र भी छोड़ दिए हैं। आज इसको मार डालूंगा, यह सोचकर सिंह दहाड़ा और मुंह को फाड़कर कुमार के पास आया कुमार ने तत्काल एक हाथ से उपरितन ओष्ठ और दूसरे से नीचे का ओष्ठ पकड़कर एक जीर्ण-शीर्ण वस्त्र की भांति उसको फाड़ डाला। उसको दो भागों में फाड़कर दूर फेंक दिया। लोगों ने जय-जयकार की हर्षध्वनि को। आसन्न देवता ने आभरण, वस्त्र और कुसुम बरसाए। सिंह क्रोध से कंपित हो रहा था। ओह! मैं इस कुमार से युद्ध में मारा गया।
उस समय गौतमस्वामी रथसारथि थे। उन्होंने सिंह से कहा—'रोष मत करो। यह नरसिंह है। तुम मृगाधिप हो। यदि सिंह सिंह को मारता है तो इसमें अपमान की बात ही क्या है?' उन वचनों का सिंह ने मधु की भांति पान किया। वह मरकर नरक में उत्पन्न हुआ।
कुमार त्रिपृष्ठ सिंह के चर्म को लेकर अपने नगर की ओर चला। उसने उन ग्रामवासियों को कहां—'जाओ, अश्वग्रीव को कहो कि अब वह आश्वस्त होकर रहे।' वे ग्रामीण अश्वग्रीव के पास गए और सारी बात बताई। अश्वग्रीव ने रुष्ट होकर दूत को भेजकर प्रजापति से कहा कि तुम दोनों पुत्रों को मेरी सेवा में भेज दो। तुम बूढ़े हो गए हो। मैं उनका सत्कार करूंगा, राज्य दूंगा। प्रजापति बोला—'कुमारो को रहने दो। मैं स्वयं सेवा में उपस्थित होता हूं।' दूत बोला—'यदि कुमारों को नहीं भेजते हो तो युद्ध के लिए तैयार हो जाओ।' तब कुमारों ने दूत को तिरस्कृत कर निकाल दिया। अश्वग्रीव इस व्यवहार पर कुपित हो गया और अपनी सेना के साथ सीमा पर आ डटा। प्रजापति भी सेना के साथ सीमा पर आ गया। लंबे समय तक युद्ध चला। अश्व, हाथी, रथ और पैदल सैनिकों की भारी क्षति हुई। कुमार ने तब कहलाया—'व्यर्थ की जनहानि से क्या प्रयोजन? हम दोनों परस्पर युद्ध करें।' दूसरे दिन दोनों रथ पर आए। आयुध क्षीण हो जाने पर चक्र फेंका। चक्र ने उसकी छाती विदीर्ण कर शिरच्छेद कर डाला। देवों ने उद्घोषणा की—यह त्रिपृष्ठ नामक प्रथम वासुदेव है। तब सभी राजे उसे प्रणिपात करने लगे। उसने अर्धभरत को अपने अधीन किया। अपने बाहु और दंड से कोटिशिला धारण की। यह युद्ध रथावर्त पर्वत के समीप हुआ। त्रिपृष्ठ का संपूर्ण आयुष्य ८४ लाख वर्ष का था। उसको पूरा कर वह सातवें नरक के अप्रतिष्ठान नरक में उत्पन्न हुआ। वहां तेतीस सागर की उत्कृष्ट स्थिति वाला नारक बना।
५०. भगवान् महावीर का गर्भ-संहरण और जन्म
आषाढ़ शुक्ला षष्ठी के दिन महाविजयं के पुष्पोत्तर विमान से च्युत होकर भगवान् महावीर ऋषभदत्त ब्राह्मण की पत्नी देवानंदा की कुक्षि में अवतरित हुए। अर्धजागृत अवस्था में देवानंदा ब्राह्मणी चौदह स्वप्न देखकर प्रतिबुद्ध हुई। उसने प्रसन्नमन से ऋषभदत्त ब्राह्मण को स्वप्नों की बात कही। उसने कहा—'देवानुप्रिय! तुमने उत्तम स्वप्न देखे हैं।' इससे तुमको अन्नलाभ, भोगलाभ, पुत्रलाभ और सौख्यलाभ होगा। तुम नौ मास और ८ दिन व्यतीत होने पर अत्यन्त सुकुमाल, पांचों इन्द्रियों से परिपूर्ण, समस्त लक्षणों से युक्त बालक का प्रसव करोगी। यह सुनकर देवानंदा प्रसन्न होकर बोली—'देवानुप्रिय! आपने जो कहा, वह यथार्थ है।'
उस समय सौधर्म कल्प का देवेन्द्र सौधर्मवतंसक विंमान की सुधर्मा सभा में सिंहासन पर सुखपूर्वक निषण्ण था। उसने अचानक अवधिज्ञान से जंबूद्वीप को देखा। देवानंदा के गर्भ में श्रमण भगवान् महावीर को व्युत्क्रान्त होते देखकर वह परम प्रसन्न हुआ। उसका हृदय हर्ष के वशीभूत होकर उछलने लगा। उसने सिंहासन से नीचे उतरकर, अपनी रत्नमय पादुकाओं को एक ओर रखकर, एक शाटक से उत्तरासंग कर, तीर्थंकराभिमुख होकर, सात-आठ पैर पीछे हटकर, भूमि पर वंदना की मुद्रा में बैठकर, हाथ जोड़कर, मस्तक को भूमि पर टिकाकर 'नमोत्थुणं’ का पाठ दो बार कहा और बोला—'मैं यहां से आपको वंदना करता हूं।' फिर वह पूर्वाभिमुख होकर सिंहासन पर बैठ गया। तब उसके मन में यह विचार आया कि भगवान् महावीर देवानंदा ब्राह्मणी की कुक्षि में उत्पन्न हुए हैं परन्तु ऐसा न कभी हुआ है, न् होता है और न होगा कि अरिहंत, चक्रवर्ती, बलदेव, वासुदेव आदि अंत-प्रांत तथा तुच्छ और दरिद्र कुलों में जन्मे हों, जन्मते हों अथवा जन्मेंगे। वे उग्र, भोग, राजन्य और इक्ष्वाकु आदि विशुद्ध जाति-कुलों में, महान् राज्यों का परिभोग करने वाले कुलों में जन्म लेते हैं। भगवान् महावीर का ब्राह्मण कुल में उत्पन्न होना अनन्त उत्सर्पिणी-अवसर्पिणी काल का महान् आश्चर्य होगा। यह सच है कि नीचगोत्र कर्म के उदय से अरिहंत आदि अंत-प्रांत कुलों में उत्पन्न स्त्रियों के गर्भ में आते हैं, परन्तु जन्म नहीं लेते। इसलिए देवराज शक्र का यह जीत-व्यवहार है (परंपरागत नियम है) कि तीर्थंकर के जीव का अंत-प्रांत कुल से विशुद्धजाति वाले कुलों में आहरण करे। इसलिए चरमतीर्थंकर भगवान् महावीर को ब्राह्मणकुंडग्राम नगर से क्षत्रियकुंडग्राम नगर में काश्यपगोत्रीय क्षत्रिय सिद्धार्थ की भार्या वासिष्ठगोत्रीय क्षत्रियाणी त्रिशला की कुक्षि में गर्भरूप में साहरण करना श्रेय है और जो त्रिशला का गर्भ है, वह देवानंदा की कुक्षि में साहरण करना उचित है। इन्द्र ने ऐसा सोचकर, पैदल सेना के अधिपति हरिणेगमेषी देव को बुलाकर कहा—'जाओ, देवानन्दा की कुक्षि से श्रमण भगवान् महावीर का साहरण कर त्रिशला की कुक्षि में स्थापित करो।'
यह सुनकर हरिणेगमेषी देव बहुत प्रसन्न हुआ और इन्द्र की आज्ञा को विनयपूर्वक शिरोधार्य किया। उसने उत्तर-पूर्व दिशा में अवक्रम कर वैक्रिय समुद्घात से उत्तरवैक्रिय रूप की विकुर्वणा की। वह तीव्र गति से देवानन्दा के स्थान पर आया और झरोखे से भगवान् महावीर को प्रणाम कर 'भगवन्! मुझे कार्य की अनुमति दें'—यह कहकर देवानन्दा सहित समूचे परिवार को अवस्वापिनी विद्या से निद्रित कर दिया। उसने दिव्य प्रभाव से अपने करतलपुट में सहजरूप से भगवान् के गर्भ को ग्रहण कर लिया। उस समय गर्भ के ८२ दिन-रात व्यतिक्रान्त हो गए थे, ८३ वें दिन अर्थात् वर्षा के तीसरे मास, पांचवें पक्ष, आसोजकृष्णा तेरस के दिन देवानन्दा ब्राह्मणी की कुक्षि से उस गर्भ का क्षत्रियाणी त्रिशला की कुक्षि में संहरण किया गया और त्रिशला के गर्भ को देवानन्दा की कुक्षि में स्थापित किया गया। वह देव अपना कार्य संपन्न कर शक्र के पास गया और उसे सारी बात कही।
गर्भस्थ भगवान् तीन ज्ञान के धनी थे। जिस रात्रि में गर्भ का संहरण हुआ तब देवानन्दा अपने स्वप्नों को ह्यत होते देखकर जागृत हो गई। त्रिशला भी अपने मनोरम शयनीय पर सुप्त-जागृत अवस्था में चौदह महास्व देखकर जागृत हो गई। उसने सिद्धार्थ से स्वप्नों की बात कही। वह भी स्वाभाविक बुद्धि-प्रकर्ष से उन स्वप्नों का अर्थ बताते हुए बोला—'देवानुप्रिय! तुमने उत्तम स्वप्न देखे हैं।' तुम कुलकर, कीर्तिकारक तथा इन्द्रियं से परिपूर्ण एक बालक का प्रसव करोगी। यह सुनकर त्रिशला अत्यन्त प्रसन्न हुई। उसने उन वचनों को सम्यग्रूप से स्वीकार किया। प्रात:काल होते ही सिद्धार्थ ने स्वप्नपाठकों को बुलाकर स्वप्नों का फल पूछा। स्वप्नपाठकों ने स्वप्नशास्त्र के अनुसार स्वप्नों का अर्थ बताते हुए कहा—'बालक चातुरंत चक्रवर्ती राजा होगा, जिन अथवा त्रिलोकनायक धर्मवरचक्रवती होगा।'
त्रिशला महारानी स्नान तथा कौतुकमंगलोपचार करती हुई गर्भ का संरक्षण करने लगी। अब वह न अति उष्ण, न अति शीत, न अति तिक्त, न अति कटुक, न अति काषायित, न अति अम्ल और न अति मधुर आहार करती। वह गर्भ के लिए देश और काल के अनुसार हितकर तथा पथ्य आहार करती। एकान्त में मृदु शयन-आसन पर सुखपूर्वक बैठी रहती। जिस रात्रि में त्रिशला के गर्भ का संहरण हुआ, उसी रात्रि में शक्र के वचनों के आधार पर तिर्यग् जुंभक देवों ने विविध मणि-निधान सिद्धार्थ राजा के भवन में पहुंचा दिए। ज्ञातकुल हिरण्य, सुवर्ण, राज्य, बल, वाहन, कोष्ठागार सभी प्रकार के धन-धान्य से अत्यन्त वृद्धिंगत हुआ। सिद्धार्थ महाराज के प्रति सभी सामन्त राजे प्रणत हो गए। तब भगवान् के माता-पिता के मन में यह संकल्प उपजा—'जब से यह बालक गर्भ में आया है तब से ही हम हिरण्य, सुवर्ण आदि से बढ़े हैं इसलिए जब हमारा पुत्र उत्पन्न होगा तब हम उसका तथारूप नाम वर्धमान रखेंगे।' इस प्रकार वे मन ही मन हजारों मनोरथ संजोने लगे।
गर्भस्थ भगवान् माता की अनुकंपा से प्रेरित होकर निश्चल हो गए। तब त्रिशला के मन में यह चिन्तन उभरा-'क्या किसी ने मेरे गर्भ का अपहरण कर लिया? क्या मेरा गर्भ मर गया? यह गर्भ पहले प्रकंपित होता था अब कंपित क्यों नहीं होता?' इस प्रकार उसके मन में विविध अनिष्ट संकल्प आने लगे। वह चिंता के सागर में डूब गई और दोनों हथेलियों से मुंह को छुपाती हुई भूमि पर दृष्टि टिकाए आर्त्त-रौद्र ध्यान करने लगी। तब सिद्धार्थ महाराज के पूरे भवन में वजने वाले मृदंग, तंत्र, ताल आदि वाद्य तथा नृत्य-गीत सभी बंद हो गए। भगवान् ने सोचा—'मृदंग आदि के शब्द क्यों नहीं सुनाई देते?' भगवान् ने अवधिज्ञान से कारण जान लिया तब उन्होंने अपना अगुंष्ठ हिलाया। गर्भ को प्रकंपित जान त्रिशला अत्यन्त प्रसन्न हुई। सिद्धार्थ के राजभवन में पूर्ववत् गाजे-बाजे वजने लगे। सारा वातावरण आनन्दित हो उठा। एक दिन भगवान् ने सोचा—'मैं गर्भस्थ हूं फिर भी माता-पिता का मेरे साथ इतना प्रतिबंध हैl यदि मैं बाल्य अवस्था को पार कर देव-दानव तथा परिजनों से परिवृत्त होकर प्रव्रज्या ग्रहण करूंगा तो माता-पिता को अत्यन्त खेद और दु:ख होगा।' यह सोचकर माता-पिता पर अनुकंपा कर गर्भ के सातवें महीने में ही भगवान् ने यह अभिग्रह कर लिया—'माता-पिता के जीवित रहते मैं श्रमण नहीं बनूंगा।'
त्रिभुवननाथ महावीर के उत्पन्न होने पर महाराज सिद्धार्थ ने अपने कौटुम्बिक पुरुषों को बुलाकर कहा—'नगर में दस दिनों तक महान् उत्सव का आयोजन करो। सभी शुल्क और करों को माफ करो। भवनों को शुक्ल पताकाओं से सजाओ और चारों ओर नाटक आदि की व्यवस्था करो। जब बालक तीन दिन का हुआ तब माता-पिता ने चांद-सूर्य के दर्शन किए। छठे दिन जागरण किया। ग्यारह दिन बीतने पर, अशुचिजातकर्म संपन्न होने पर, बारहवें दिन विपुल अन्न-पान, खादिम-स्वादिम आदि उपस्कृत कराकर भोजनवेला में अपने मित्र, ज्ञातिजन तथा स्वजन-परिजनों को आमंत्रित कर भोजनमंडप में उन सबके साथ सुखासन में बैठकर विपुल भोज्य पदार्थों का उपभोग किया। भोजन कर चुकने पर उन सबका विपुल वस्त्र-गंध, माल्य, अलंकारों से सत्कार-सम्मान किया। फिर सिद्धार्थ ने उन सबसे कहा—'देवानुप्रियो!' पहले भी हमारे मन में विचार आया था कि जब से यह बालक गर्भ में आया है, तब से हम हिरण्य आदि से वृद्धिंगत होते रहे हैं अत: इस शिशु का तथारूप नाम 'वर्द्धमान' रखेंगे।' यह सुनकर सभी ने कहा—'आर्य! मनोरथ के आधार पर कुमार का नाम वर्द्धमान रखा जाए।
भगवान् के पारिवारिक लोगों के नाम इस प्रकार थे—चाचा का नाम सुपार्श्व, ज्येष्ठ भ्राता का नाम नंदिवर्धन, बहिन का नाम सुदर्शना, भार्या का नाम यशोदा, पुत्री के दो नाम—अनवद्या और प्रियदर्शना, दौहित्री के भी दो नाम—यशोमती और शेषमती।
५१. बालक महावीर की देव द्वारा परीक्षा
एक बार इन्द्र ने देवसभा में महावीर के गुणकीर्तन करते हुए कहा—'भगवान् बालक होते हुए भी परम पराक्रमी हैं।' उनको देव और दानव भी नहीं डरा सकते। एक देव को इन्द्र के वचनों पर श्रद्धा नहीं हुई। वह परीक्षा के लिए भगवान् के पास आया। भगवान् उस समय बालकों के साथ वृक्षक्रीड़ा कर रहे थे। उन वृक्षों पर जो प्रथम चढ़ता और नीचे उतरता वह बालकों द्वारा बहन किया जाता। देव वहां आकर वृक्ष के नीचे महावीर कों डराने के लिए विकराल सर्प का रूप बना, ऊंचा फन किए बैठ गया। बालक महावीर ने उसे देखा और सहजभाव से बाएं हाथ से पकड़कर फेंक डाला। देव ने सोचा—'भगवान् नहीं ठगे गए।'
कुछ समय पश्चात् स्वामी तिन्दुक क्रीड़ा करने लगे। वह देवता बालक का रूप बनाकर उनके साथ खेलने लगा। बालक महावीर जीत गए। तब वे बालक बने देव की पीठ पर बैठे। वह ताल पिशाच का रूप बनाकर बढ़ने लगा। भगवान् तनिक भी नहीं डरे। उन्होंने उस पर मुक्के से प्रहार किया। वह वहीं शांत बैठ गया। यहां भी वह सफल नहीं हुआ। फिर वह देवरूप में प्रगट होकर भगवान् को वंदना करके चला गया।
५२. ऐन्द्र व्याकरण का प्रारम्भ
जब महावीर आठ वर्ष के हुए तब उन्हें लेखाचार्य के पास अध्ययन हेतु भेजा। उसी समय देवराज इंद्र का आसन चलित हुआ। अवधिज्ञान से उसने जाना कि जगद्गुरु भगवान् को माता-पिता स्नेह के वशीभूत होकर उपाध्याय के पास भेज रहे हैं। तब इंद्र ने भगवान् को उपाध्याय के लिए परिकल्पित बृहद् आसन पर बिठाकर शब्द का लक्षण एवं अकार आदि के भंग और पर्याय पूछे। भगवान् ने उसका पूरा व्याकरण (शब्दशास्त्र) बता दिया। उपाध्याय आश्चर्यचकित रह गया। उसे व्याकरण के नये अवयव ज्ञात हुए। तब से ऐन्द्र व्याकरण का प्रारम्भ हुआ। इन्द्र ने कहा—'भगवान् जातिस्मृति एवं तीन ज्ञान से युक्त हैं अत: इन्हें पढ़ाने की आवश्यकता नहीं है।'
५३. महावीर का अभिनिष्क्रमण
भगवान् जब अट्ठाइस वर्ष के हुए तब उनके माता-पिता दिवंगत हो गए। गर्भकाल में की—गई प्रतिज्ञा पूरी होने पर भगवान् अपने बड़े भाई नंदिवर्धन के पास पहुंचे और दीक्षा की बात कही। नंदिवर्धन बोले—'माता-पिता के दिवंगत होने पर तुम दीक्षा की बात करते हो, यह घाव पर नमक छिड़कने जैसी बात है। अभी कुछ समय ठहरो, जिससे हम शोकमुक्त हो सकें।' भगवान् ने पूछा—'कितने दिन और रुकना पड़ेगा?' नंदीवर्धन बोला—'दो वर्ष में शोक सम्पन्न होगा।' महावीर ने कहा—'मैं इतने दिन घर में रहने को तैयार हूं लेकिन भोजन आदि क्रिया मैं अपनी इच्छा से करूंगा।' स्वजनों ने इसे स्वीकार कर लिया। दो वर्ष तक भगवान् ने प्रासुक आहार किया एवं रात्रिभोजन का परिहार किया। इस अवधि में भगवान् ने सचित्त जल से स्नान भी नहीं किया। महावीर हाथ-पैर आदि भी प्रासुक जल से धोते थे। निष्क्रमण-महोत्सव के अवसर पर भगवान् ने अप्रासुक जल से स्नान किया।
इंद्र का आसन विचलित हुआ उसने अवधिज्ञान से जाना कि अर्हत् महावीर अभिनिष्क्रमण करना चाहते हैं। उसने वैश्रमण देव को ३८८ करोड़ और ८० हजार सौनैया खजाने में रखने का आदेश दिया। भगवान् ने वर्षीदान दिया। लोकान्तिक देवों ने भगवान् को सबोध दिया। जल, स्थल एवं दिव्य फूलों से युक्त लम्बी-चौड़ी चंदप्रभा शिविका में सिंहासन पर बैठकर भगवान् ने अभिनिष्क्रमण किया। उस दिन भगवान् के निर्जल बेले की तपस्या थी। हस्तोत्तर नक्षत्र में देव, दानव और मनुष्यों की परिषद् के बीच शिविका से उतरकर भगवान् ने स्वयं ही पंचमुष्टि लोच किया। इंद्र ने भगवान् के केशों को कीमती वस्त्र में लेकर उन्हें क्षीरसमुद्र में प्रवाहित कर दिया। फिर भगवान् ने सिद्धों को नमस्कार करके सामायिक चारित्र स्वीकार कर सर्व सावद्य योगों का प्रत्याख्यान कर दिया। दीक्षा लेते ही भगवान् को मन:पर्यवज्ञान उत्पन्न हो गया।
५४. देवदूष्य का परित्याग
भगवान् एक देवदूष्य से प्रव्रजित हुए। वे उस वस्त्र को कंधे पर धारण कर रहे थे। उस समय पिता सिद्धार्थ का एक मित्र ब्राह्मण वहां आया। भगवान् ने जब वार्षिक दान दिया था, तब वह कहीं प्रवासित था। जब वह प्रवास से घर लौटा तब उसकी पत्नी ने उसे डांटते हुए कहा—' भगवान् प्रव्रजित हो गए। उन्होंने वर्षी दान दिया और तुम जंगलों में भटकते रहे। जाओ, उनसे कुछ मांगो। संभव है कि कुछ मिल जाए।' वह भगवान् के पास आकर बोला—'स्वामिन्! आपने मुझे कुछ भी नहीं दिया, अब तो कुछ दो।' तब भगवान् ने उस दूष्य का आधा भाग देते हुए कहा—'मेरे पास और कुछ नहीं है। सब कुछ छोड़ दिया है।' वह ब्राह्मण उस दूष्य-खंड को लेकर, उसके किनारे बंधवाने के लिए जुलाहे के पास गया। जुलाहे ने पूछा—'यह कहां से लाए हो?' वह बोला भगवान् ने दिया है।' जुलाहा बोला—'इसका अन्य आधा भाग भी ले आओ।' ब्राह्मण बोला—'कैसे लाऊं?' जुलाहे ने कहा—'जब भगवान् के कंधे से वह गिर पड़े तब ले आना, मैं किनारे बांध दूंगा। तब इस पूरे वस्त्र का मूल्य एक लाख हो जाएगा। आधा तेरा और आधा मेरा।' ब्राह्मण जुलाहे की बात स्वीकार कर भगवान् के साथ चलने लगा।
५५. अनुकूल उपसर्ग
भगवान् ने जब अभिनिष्क्रमण किया तब दिव्य गोशीर्ष चंदन एवं सुगंधित चूर्ण आदि से उनका शरीर वासित किया गया। इंदरों ने विशेष रूप से चंदन आदि के लेप से शरीर को सुवासित किया। प्रव्रजित होने के बाद चार मास से अधिक समय तक उनके शरीर से सुगंध आती रही। सुरभित सुगंध से अनेक भ्रमर आदि जीव आकृष्ट होकर उनके शरीर को बींधते रहते थे। जब भगवान् के शरीर से कोई स्वाद नहीं मिलता तो आक्रुष्ट होकर वे मुख से भगवान् की त्वचा को काटते रहते। चींटियां भी उनके शरीर पर चढ़ती रहती थीं। असंयमी तरुण-तरुणियां भगवान् के शरीर से निकलने वाली गंध में मूर्च्छित होकर भगवान् से उस गंध द्रव्य की मांग करते रहते थे। भगवान् के चुप रहने पर वे प्रतिकूल उपसर्ग देते थे। प्रतिमा में स्थित भगवान् को भी वे उपसर्ग देते रहते थे। स्त्रियां भी भगवान् के स्वेद मल रहित निर्मल देह को, नि:श्वास से सुगंधित मुख को तथा नीलोत्पल जैसी स्वाभाविक आंखों को देखकर अनेक प्रकार से अनुलोम उपसर्ग उपस्थित करती थीं।
५६. ग्वाले का उपद्रव
कुंडपुर के बाहर ज्ञातखंड नाम का उद्यान था। भगवान् वहां प्रव्रजित हुए। जो स्वजन उपस्थित थे, भगवान् उन्हें पूछकर कर्मारग्राम की ओर प्रस्थित हुए। उसके दो मार्ग थे—स्थलमार्ग और जलमार्ग। भगवान् स्थलमार्ग से चले और मुहूर्त्त्तमात्र शेष दिन-वेला में कर्मारग्राम गांव पहुंचकर प्रतिमा में स्थित हो गए।
एक ग्वाला दिन भर खेत में बैलों से बुवाई कर सायंकाल गांव के निकट आया। उसने सोचा—'ये बैल यहां आसपास चरते रहें, तब तक मैं गायों को दुहकर आ जाऊंगा।' भगवान् अन्त:परिकर्म में लगे हुए थे। बैल चरते-चरते अटवी में चले गए। ग्वाला घर से लौट कर आया और भगवान् से पूछा—'मेरे बैल कहां हैं?' भगवान् मौन थे। उसने सोचा—भगवान् नहीं जानते अत: वह बैलों को खोजने चला। पूरी रात खोजता रहा पर उसे बैल नहीं मिले। वे बैल लंबे समय तक अटवी में चरते-चरते गांव के समीप आ गए और प्रतिमा में स्थित मनुष्य को देखकर वहीं उगाली करते हुए बैठ गए। इतने में ही ग्वाला वहां आया। उसने बैलों को वहीं बैठे देखा। उसने निश्चय कर लिया कि इसी बाबे ने ही मेरे बैल चुराए हैं। अत्यंत कुपित होकर वह रस्सी से भगवान् को मारने के लिए उद्यत हुआ। शक्र ने सोचा—'आज दीक्षा का पहला दिन है। स्वामी इस स्थिति में क्या कर सकेंगे?' इंद्र ने देखा, ग्वाला हाथ में रस्सी लिए दौड़ा-दौड़ा आ रहा है। शक्र ने उसे स्तम्भित कर दिया और तर्जना देते हुए कहा—'अरे दुष्ट! तूं नहीं जानता, ये सिद्धार्थ महाराजा के पुत्र हैं और प्रव्रजित हो गए हैं।'
५७. सिद्धार्थ देव का आगमन
इतने में ही भगवान् का मामा सिद्धार्थ, जो बालतप: कर्म के कारण व्यन्तर देव बना था, वह आया। शक्र ने तब भगवान् से कहा—'भंते आपका साधना-जीवन उपसर्ग-बहुल है। मेरी भावना है कि मैं बारह वर्षों तक आपकी सेवा में रहूं।' भगवान् बोले देवेन्द्र! ऐसा न कभी हुआ है, न हो रहा है और न होगा कि अर्हत् देवेन्द्र अथवा असुरेन्द्र की निश्रा में रहकर केवलज्ञान प्राप्त करते हों, सिद्धिगति को प्राप्त होते हों। अर्हत् स्वयं के उत्थान, बल, वीर्य, पुरुषकार और पराक्रम से ही केवलज्ञान प्राप्त करते हैं।' तब शक्र ने व्यंतर देव सिद्धार्थ से कहा—'ये स्वामी तुम्हारे निजक-परिवार के हैं। दूसरी बात, मेरी यह आज्ञा है कि इन पर जो कोई मारणांतिक उपसर्ग आए, तुम उसका निवारण करना।' सिद्धार्थ देव ने 'ऐसा ही हो '—यह कहकर शक्र के वचन को स्वीकार किया। शक्र चला गया। सिद्धार्थ देव सेवा में ही रहा।
उस दिन भगवान् के बेले की तपस्या का पारणा था। भगवान् वहां से कोल्लाग सन्निवेश में गए। वहां बहुल नामक ब्राह्मण के घर भिक्षा के लिए प्रविष्ट हुए। उसने भगवान् को घृत-मधु-संयुक्त खीर की भिक्षा दी। उस समय वहां पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए।
५८. प्रथम वर्षावास की प्रतिज्ञाएं
भगवान् वहां से विहार करते हुए मोराक सन्न्विश में पहुंचे। वहां द्वितीयान्तक नामक पाषंडी गृहस्थों का आश्रम था। उनके कुलपति भगवान् के पिता के मित्र थे। वे स्वामी के स्वागत के लिए आए। तब भगवान् ने पूर्व प्रयोग के आधार पर स्वाग्त में अपने बाहू प्रसारित किए। कुलपति बोला—'कुमार! यह उपयुक्त स्थान है। आप यहां ठहरें।' स्वामी वहां एक रात रुककर विहार कर गए। उस समय कुलपति ने निवेदन किया—'यहां एकान्त स्थान है, यदि आप वर्षावास बिताना चाहें तो यहां अवश्य आएं। हम कृतार्थ होंगे।' तब स्वामी आठ ऋतुबद्ध मास का अन्त्र विहार कर वर्षाऋतु के प्रारंभ में द्वितीयान्तक ग्राम में आए और एक कुटीर में वर्षावास के लिए स्थित हो गए। वर्षाऋतु के प्रारंभ में गायों को चरने के लिए घास नहीं मिलता था अत्त: वे जीर्ण तृण खाती थीं। वे घास की कुटीरों पर जाकर जीर्ण तृण को खाने लगीं। तत्रस्थ लोग उसको हाते परन्तु भगवान् अपने कुटीर के तृण खाने वाली गायों को निवारित नहीं करते। आश्रमवासियों ने कुलपति से यह बात कही कि यह भिक्षुक गायों को निवारित नहीं करता। तब कुलपति ने अनुशासित करते हुए भगवान् से कहा—'कुमारवर! पक्षी भी अपने नीड़ की रक्षा करते हैं। तुम भी अपने कुटीर को रक्षा करो। कुलपति ने पूर्ण प्रेमभाव से यह बात कही।
इस बात को सुनकर भगवान् ने सोचा, यह अप्रीतिकर स्थान है। वे वहां से अन्यत्र विहार कर गए। वहां उन्होंने पांच अभिग्रह धारण किए—१. अप्रीतिकर स्थान में नहीं रहूंगा। २. नित्य व्युतसृष्टकाय रहूंगा। ३. प्राय: मौन रहूंगा। ४. पाणिपात्र रहूंगा। ५. गृहस्थो की वंदना-अभ्युत्थान आदि से सत्कार-क्रिया नहीं करूंगा। वहां उस आश्रम में अर्धमास रहकर भगवान् अस्थिकग्राम में आए। उस अस्थिकग्राम का पूर्व नाम वर्धमानक था।
५९. शूलपाणि यक्ष का पूर्वभव
एक बार धनदेव नामक वणिक् पांच सौ शकटों में गणिम-धरिम-मेय आदि पदार्थों को भरकर उस मार्ग से निकला। वहां वेगवती नाम की नदी वह रही थी। उसने अपने शकटों को नदी में उतारा। एक शक्तिशाली बैल सबसे आगे के शकट में जुता हुआ थां। उसके पराक्रम से सभी शकट उस नदी को पार कर गए। वह धुरी बैल श्रान्त होकर भूमि पर गिर पड़ा। धनदेव ने उसके लिए तृण-पानी की व्यवस्था कर, उसे वहां छोड़ आगे प्रस्थान कर दिया। वह बैल उस ज्येष्ठमास की तपती बालु में पड़ा हुआ गर्मी, भूख और प्यास से अत्यन्त व्याकुल हो रहा था। उस मार्ग से वर्द्धमानक गांव के अनेक लोग आते-जाते थे। परन्तु किसी ने भी उस बैल के तृण-पानी की व्यवस्था नहीं की। बैल के मन में सबके प्रति प्रद्वेष भाव जागा और वह अकाममरण से मर कर उसी गांव के अग्रोद्यान में शूलपाणि यक्ष के रूप में उत्पन्न हुआ। यक्षरूप में उत्पन्न होकर उसने ज्ञान के उपयोग से अपने मृत बैल के शरीर को देखा। उसने रुष्ट होकर गांव में मारी का प्रकोप किया। मारी के प्रभाव से लोग मरने लगे। सारे लोग क्षुब्ध हो गये। उन्होंने मारी के प्रकोप को नष्ट करने के लिए सैकड़ों कौतुक—मंत्र-तंत्र आदि किए, फिर भी प्रकोप उपशान्त नहीं हुआ। ग्रामवासी वहां से अन्यत्र जाने लगे। गांव उजड़ने लगा फिर भी यक्ष उपशान्त नहीं हुआ। तब ग्रामवासियों को चिन्ता हुई। उन्होंने सोचा, हमें ज्ञात नहीं है कि हमने किसी देव अथवा दानव की विराधना की हो इसलिए हम नगरदेवता के द्वार पर ही चलें। ग्रामवासी उस यक्षमंदिर में आए। नगरदेवता के समक्ष विपुल अशन-पान, खाद्य और स्वाद्य को उपहत किया, फिर ऊर्ध्वमुख होकर बोले—'आपकी ही शरण है, आपके प्रति हमने यदि असम्यक् व्यवहार किया हो तो आप हमें क्षमा करें।' तब आकाश में स्थित उस देव ने कहा—'तुम सब दुरात्मा हो, दयाहीन हो। जिस मार्ग से तुम आते-जाते थे, वहां एक मृतप्राय: बैल को तुमने कभी तृण-पानी भी नहीं दिया इसलिए में तुमको नहीं छोड़ सकता। तब लोगों ने स्नान कर, फूल आदि को हाथ में लेकर गिड़गिड़ाते हुए कहा—'आपका कोप हमने देख लिया, अब आप अनुग्रह दिखाएं।' तब देव बोला—'मनुष्यों की इन अस्थियों का ढेर बनाकर उस पर देवकुल बनाओ उसमें शूलपाणि यक्ष तथा एक ओर बलिवर्द की स्थापना करो। उन्होंने वैसा ही किया।'
उस यक्षमंदिर की व्यवस्था का भार इन्द्रशर्मा को सौंपा गया। जब पथिक पांडुर अस्थियों का ढेर और देवकुल को देखकर आगे जाते तब दूसरे लोग उन्हें पूछते—'कौन से गांव से आ रहे हो अथवा जा रहे हो?' तब वे कहते—'जहां अस्थियों का ढेर है, उस गांव से आ रहे हैं अथवा जा रहे हैं।' तब से उस वर्द्धमानक गांव का नाम अस्थिकग्राम हो गया।
६०. शूलपाणि यक्ष का उपद्रव
जो कोई व्यक्ति रात में उस व्यन्तरगृह में रहता, वह शूलपाणि यक्ष के द्वारा मार दिया जाता। इसलिए उस यक्षायतन में लोग दिन-दिन में ठहरते, रात में अन्यत्र चले जाते। इन्द्रशर्मा भी धूप-दीप कर दिन रहते-रहते वहां से घर चला जाता।
एक बार भगवान् द्वितीयान्तक ग्राम के पार्श्व से होते हुए अस्थिकग्राम आ पहुंचे। गांव के सभी लोग वहां एकत्रित थे। स्वामी ने इन्द्रशर्मा से देवकुल में रहने की आज्ञा मांगी। उसने कहा—'मैं नहीं जानता, आप गांव वालों से पूछें।' ग्रामवासी वहां एकत्रित थे। स्वामी ने उनसे आज्ञा मांगी। ग्रामवासियों ने कहा—'यहां नहीं रहा जा सकता।' भगवान् बोले—'तुम केवल आज्ञा दे दो।' तब उन्होंने कहा—'ठहरो!' ग्राम के प्रत्येक व्यक्ति ने पुन: प्रार्थना की—'तुम हमारे गांव में चलो। वहां जहां चाहे ठहर जाना लेकिन यहां रहना उचित नहीं है।' प्रत्येक व्यक्ति ने अपने घर में रहने के लिए कहा परन्तु स्वामी नहीं चाहते थे। वे जानते थे कि शूलपाणि यक्ष प्रतिबुद्ध होगा। वे उस यक्षमंदिर के एक कोने में प्रतिमा में स्थित हो गए।
इन्द्रशर्मा सूर्य के रहते-रहते धूप-दीप कर घर जाने के लिए प्रस्थित हुआ। वहां ठहरे हुए कार्पटिक-करोटिकों को देखकर उसने कहा—'अब आप यहां से चंले जाएं। रातभर यहां रहने से मृत्यु का वरण करना होगा। उसने प्रतिमा में स्थित देवार्य से भी कहा—'आप भी यहां से चले जाएं, अन्यथा मारे जायेंगे।' भगवान् ने सुना पर मौन रहे। उस व्यन्तरदेव ने सोचा—'यह मुनि देवकुलिक तथा ग्रामवासियों के कहने पर भी नहीं गया। देखना, अब मैं क्या करता हूं।' तब व्यन्तरदेव संध्या के समय ही भीषण अट्टहास कर देवार्य को डराने लगा। इस भीषण अट्टहास की ध्वनि को सुनकर ग्रामवासी लोग भयभीत हो गए। उन्होंने सोचा, 'आज देवार्य मारे जाएंगे।'
वहां उत्पल नामक परिव्राजक रहता था। वह अष्टांगनिमित्त का ज्ञाता था। उसने जनता से सारा वृत्तान्त सुना। अपने निमित्तबल से उसने जान लिया कि ये तीर्थंकर हैं। ये कभी खिन्न नहीं होते। लोग उस यक्षायतन में रात में जाने से डरते थे। जब व्यन्तर देव ने देखा कि अट्टहास से यह मुनि भयभीत नहीं हुआ है तब उसने हाथी का रूप बनाकर उपसर्ग देना प्रारंभ किया। फिर पिशाच का रूप बनाया, फिर भयंकर नाग का रूप विकुर्वित किया। जब इन सबसे भी देवार्य प्रकंपित नहीं हुए तब देव ने सात प्रकार की रौद्र वेदनाएं उदीरित की—शीर्षवेदना, कर्णवेदना, चक्षुवेदना, नासावेदना, दंतवेदना, नखवेदना तथा पीठवेदना। एक-एक वेदना भी सामान्य मनुष्य का जीवन-हरण करने वाली थीं। उसका क्या कहना जब सातों वेदनाएं एक साथ उत्पन्न हों। भगवान् ने सभी वेदनाओं को समभाव से सहन किया। जब देव इन सब उपसर्गो से देवार्य को क्षुब्ध करने या चलित करने में समर्थ नहीं हुआ तब परितप्त होकर वह देवार्य के चरणों में लुठकर क्षमायाचना करता हुआ बोला—'भट्टारक! आप मुझे क्षमा करें।' तब सिद्धार्थ देव उस व्यन्तर को ताडना देते हुए बोला—'दुष्ट शूलपाणियक्ष! अप्रार्थितप्रार्थक! तुम नहीं जानते, ये महाराज सिद्धार्थ के पुत्र हैं। आ तीर्थंकर हैं।' यदि शक्र को तुम्हारी चेष्टाओं का पता लग गया तो वह तुमको स्थान से च्युत कर देगा। तब वह व्यन्तर भयभीत होकर बार-बार क्षमायाचना करने लगा। सिद्धार्थ देव ने उसे धर्म का रहस्य बताया। वह व्यन्तर उपशांत होकर देवार्य की महिमा और स्तुति-पूजा करने लगा। लोगों ने सोचा—यक्ष देवार्य को मार कर अब क्रीड़ा कर रहा है, नाचगान कर रहा है।' उस यक्षायतन में देवार्य कुछ न्यून चार प्रहर तक अत्यन्त परितापित होते रहे थे अत: परिश्रान्त होने के कारण प्रभातबेला में मुहूर्त्त्तमात्र काल तक भगवान् निद्राप्रमाद में गए। निद्रा में दस महास्वप्नों को देखकर वे जागृत हुए। वे दस स्वप्न ये थे—१. तालपिशाच को मार गिराना, २. श्वेत पक्षी ३. चित्रकोकिल को पर्युपासना करते देखना, ४. सुरभित पुष्पों की दो मालाएं, ५. पर्युपासना करने वाला गोवर्ग, ६. विकसित कमलों से परिपूर्ण पद्मसरोवर, ७. सागर में स्वयं विकसित कमलो से परिपूर्ण पद्मसरोवर, ७, सागर में स्वयं को तैरते देखना, ८. प्रकीर्ण रश्मिमंडल से सूर्य को उगते हुए देखना, ९. आंतों से मानुषोत्तरपर्वत को वेष्टित करते हुए देखना, १०. स्वयं का मन्दर पर्वत पर आरोहण।
६९. उत्पल द्वारा स्वप्नों का अर्थ-कथन
प्रात:काल हुआ। उत्पल, पुजारी इन्द्रशर्मा तथा अन्य लोग वहां आए। उन्होंने यक्षायतन के प्रांगण में दिव्य सुगंधित चूर्ण तथा पुष्पों की वृष्टि देखी तथा देवार्य को अक्षत अंग-प्रत्यंग वाला देखा। वे सभी लोग देवार्य की उत्कृष्ट जय-जयकार करते हुए चरणों में लुठकर बोले—'आपने देव को उपशान्त कर दिया। आप महिमा को प्राप्त हुए।' उत्पल भी स्वामी को देखकर वन्दना करता हुआ बोला—'स्वामिन्! आपने रात्रि के अन्त में दस स्वप्न देखे थे, उनका फल इस प्रकार है—आपने तालपिशाच को पछाड़ा, इसके फलस्वरूप आप शीघ्र ही मोहनीय कर्म का उन्मूलन करेंगेI शुक्ल पक्षी को देखने का तात्पर्य है कि आप शुक्लध्यान में आरूढ होंगे। विचित्र कोकिल को देखना इस बात का द्योतक है कि आप द्वादशांगी की रचना करेंगे। गोवर्ग इस बात का प्रतीक है कि आप चतुर्विध संघ की स्थापना करेंगे। पद्मसरोवर देखने का अर्थ है कि चार प्रकार के देव निकायों का संघात आपकी सेवा में उपस्थित रहेगा। सागर को तैरने का अर्थ भव-सागर को तैर जाना है। सूर्य का दर्शन यह बताता है कि आप शीघ्र ही केवलज्ञान प्राप्त कर लेंगे। आंतों से मानुषोत्तर पर्वत को वेष्टित करने का अर्थ है—संपूर्ण त्रिभुवन में आपका यश, कीर्ति और प्रताप फैलेगा। मंदरपर्वत पर आरूढ होने का अर्थ है कि आप सिंहासन पर आरूढ होकर मनुष्य, देव और असुरो की परिषद् में धर्म की प्रज्ञापना करेंगे। दो मालाएं देखने का अर्थ मैं नहीं समझ सका।' स्वामी बोले—'हे उत्पल! तुम इसका अर्थ नहीं जानते। मैं इसका फल बताता हूं—मेरे द्वारा दो प्रकार के धर्म की प्ररूपणा होगी—सागार धर्म और अनगारधर्म।' समाधान होने पर उत्पल वंदना कर चला गया। वहां भगवान् अर्द्धमास तक रहे। यह पहला वर्षावास था।
६२. सिद्धार्थ और अच्छंदक
शरद् ऋतु में भगवान् वहां से विहार कर मोराक सन्निवेश के बाहर एक उद्यान में ठहरे। वहां अच्छंदक नामक तपस्वी रहते थे। वहां एक अच्छंदक जादू-टोने से जीवन-यापन करता था। सिद्धार्थ यह देखकर दु:खी था कि वहां भगवान् की पूजा नहीं हो रही है। उसने उधर से जाते हुए एक ग्राम-प्रमुख को बुलाकर भगवान् के बारे में अनेक बातें बताईं।
वह ग्राम-प्रमुख गांव में गया और उसने अपने मित्रों तथा परिचितो को सारी बात बताई। सारे गांव में यह बात प्रसारित हो गई कि उद्यान में ठहरे हुए देवार्य अतीत, अनागत और वर्तमान—तीनों काल की बात जानते हैं। एक-दूसरे से यह बात सर्वत्र फैल गई। लोग आए और देवार्य की महिमा-पूजा करने लगे। लोग उनको घेरे रहते। लोगों ने कहा—यहां अच्छंदक नामक व्यक्ति है, जो भूत व भविष्य का जानकार है। सिद्धार्थ ने कहा—'यह अच्छंदक कुछ नहीं जानता।' तब लोगों ने जाकर उससे कहा—'तुम कुछ नहीं जानते, देवार्य जानते हैं।' वह अच्छंदक अपने आपको लोगों के मध्य प्रतिष्ठापित करने के लिए बोला—'चलें, यदि वह मेरे प्रश्न का उत्तर दे देगा तो मैं मानूंगा कि वह जानता है।' वह लोगों को साथ ले देवार्य के पास गया और सामने बैठ कर एक तिनका हाथ में लेकर बोला—'यह तिनका टूटेगा या नहीं?' उसने सोचा—'यदि देवार्य कहेंगे कि यह तिनका नहीं टूटेगा तो मैं तत्काल उसे तोड़ कर दिखा दूंगा और यदि कहेंगे कि यह तिनका टूटेगा तो मैं उसे नहीं तोडूंगा।' तब सिद्धार्थ ने कहा—'यह तिनका नहीं टूटेगा।' अच्छंदक ने उसे तोड़ने का प्रयत्न किया। शक्र ने उपयोग से सारी बात जान ली और वज्र फेंका। अच्छंदक की दसों अंगुलियां भूमि पर आ गिरीं। तब लोगों ने उसको फटकारा। सिद्धार्थ अच्छंदक से रुष्ट हो गया। सिद्धार्थ ने लोगों से कहा—'अरे सुनो। यह अच्छंदक चोर है।' लोगों ने पूछा—'बताओ, इसने क्या चुराया है?' तब सिद्धार्थ बोला—'क्या यहां वीरघोष नाम का कर्मकर है?' वीरघोष सामने आया और सिद्धार्थ के चरणों में गिर कर बोला—'मैं वीरघोष हूं।' सिद्धार्थ ने पूछा—'क्या अमुक समय में तुम्हारा दसपल वजन वाला करोटक गुम हो गया था?' उसने कहा—'हां, गुम हो गया।' सिद्धार्थ बोला—'इस अच्छंदक ने उसे चुरा लिया था।' वीरघोष बोला—'अब वह करोटक कहां है?' सिद्धार्थ ने कहा—'इस अच्छंदक के घर के आगे खर्जूर का एक वृक्ष है। उसके पूर्व दिग्भाग में एक हाथ की दूरी पर गड्ढा खोदकर इसने करोटक को छुपा रखा है। तुम जाओ और वहां खोदकर उसे निकाल लो।' वीरघोष वहां गया और निर्दिष्ट स्थान से करोटक निकालकर सिद्धार्थ की जय-जयकार करता हुआ आ गया। सिद्धार्थ ने पुन: उस परिषद् में पूछा—'क्या यहां इन्द्रशर्मा नामक गृहपति उपस्थित है?' लोगों ने कहा—'हां, वह उपस्थित है।' इन्द्रशर्मा स्वयं सामने आकर बोला—'क्या आज्ञा है?! सिद्धार्थ बोला—'क्या अमुक समय में तुम्हारा भेड़ खो गया था?' इन्द्रशर्मा ने स्वीकृति दी। तब सिद्धार्थ बोला—'इस अच्छंदक ने उसे मारकर खा लिया है। उसकी हड्डियां बदरी वृक्ष के दक्षिण पार्श्व में उकुरडी के नीचे छिपाकर रखी हैं।' इन्दशर्मा अनेक लोगों को साथ लेकर वहां गया और हड्डियों का समूह देखा। सभी सिद्धार्थ को जय-जयकार करते हुए लौट आए। लोग सिद्धार्थ से और बात बताने का आग्रह करने लगे तब उसने कहा—'और बातें इसकी भार्या बताएगी।'
अच्छंदक ने उस दिन पत्नी की पिटाई की थी अत: वह अच्छंदक के दोष देख रही थी। जब उसने सुना कि लोगों ने उसकी विडंबना की है और उसकी अंगुलियां काट दी गई हैं। तब उसने सोचा—'लोग आएंगे तो मैं भी उसकी पोल खोल दूंगी।' लोग आए और अच्छंदक के विषय में पूछा। उसने कहा—'उसका नाम भी मत लो। वह अपनी भगिनी का पति है, मुझे बिल्कुल नहीं चाहता।' लोगों ने उसकी अवहलेना करते हुए कहा—'यह अच्छंदक पापी है, दुष्ट है।' अब गांव में उसे भिक्षा की प्राप्ति भी दुर्लभ हो गई। वह अन्यमनस्क हो गया। एक दिन वह भगवान् के पास आया और बोला—'भंते! आपकी पूजा तो अन्यत्र भी होगी ही। मैं कहां जाऊं?' तब भगवान् ने सोचा—'यहां रहना अप्रीति का कारण है।' ऐसा सोचकर भगवान् वहां से चले गए।
६३. वस्त्र का परित्याग
रास्ते में उत्तरवाचाला और दक्षिणवाचाला के बीच में दो नदियां बहती थीं—स्वर्णबालुका और रुप्यबालुका। भगवान् दक्षिणवाचाला सन्निवेश से उत्तरवाचाला जा रहे थे। वहां स्वर्णबालुका नदी के किनारे कांटों में भगवान् का वस्त्र उलझ कर नीचे गिर पड़ा। भगवान् आगे बढ़ गए पर उन्होंने पीछे मुड़कर उस वस्त्र को देखा। तेरह महीनों तक सहजभाव से भगवान् ने उस वस्त्र को धारण किया फिर अचेल हो गए। उस ब्राह्मण ने वह देवदूष्य उठा लिया और जुलाहे को दे दिया। जोड़ने से वस्त्र का मूल्य एक लाख हो गया। दोनों ने पचास-पचास हजार ले लिए।
६४. दृष्टिविष सर्प का उपद्रव और उसको प्रतिबोध
उत्तरवाचाला के रास्ते में कनकखल नाम का आश्रम था। वहां से दो मार्ग थे—ऋजु और वक्र। जो ऋजु मार्ग था, वह कनकखल आश्रम के मध्य से गुजरता था। वक्र मार्ग से आश्रमपद नहीं आता था। भगवान् ऋजु मार्ग से चले। कुछ ग्वालों ने भगवान् को उस मार्ग से जाने के लिए रोका। उन्होंने कहा—'इस मार्ग पर एक दृष्टिविष सर्प रहता है अत: इस मार्ग से न जाएं।' भगवान् बोले—'वह भव्य है अत: सबुद्ध हो जाएगा।' भगवान् उसी मार्ग से चले। आगे जाकर वे यक्षगृह के मंडप में प्रतिमा धारण कर स्थित हो गए।
चंडकौशिक ने प्रतिमा में स्थित भगवान् को देखा और अत्यंत क्रुद्ध होकर मन ही मन बोला—'क्या यह मुझे नहीं जानता?' तब उसने सूर्य की ओर दृष्टिपात कर भगवान् की ओर दृष्टि-निक्षेप किया। भगवान् अन्य प्राणियों की भांति भस्मसात् नहीं हुए। दो-तीन बार उसने वैसा ही किया। भगवान् अकंप रहे तब वह भगवान् के पास गया और भगवान् को डसकर यह सोचकर दूर खिसक गया कि कहीं भगवान् मेरे ऊपर न गिर पड़ें। भगवान् पर कोई प्रभाव हुआ। उसने तीन बार भगवान् को डसा। भगवान् को निष्कंप देखकर वह क्रोध से अभिभूत होकर भगवान् को देखने लगा। भगवान् के रूप को देखते-देखते उसको विष से परिपूर्ण आंखें भगवान् की कान्ति और सौम्यता से बंद हो गईं। तब भगवान् बोले—'ओ चंडकौशिक! शान्त हो जाओ।' ये शब्द सुनकर चंडकौशिक के मन में ईहा, अपोह, मार्गणा और गवेषणा प्रारंभ हो गई। ऐसा करते—करते उसे पूर्वजन्म की स्मृति हुई। तब उसने मन ही मन 'आयाहिणं-पयाहिणं' कहते हुए भक्तप्रत्याख्यान कर लिया।
कहीं मैं रुष्ट होकर लोगों को न मार डालूं यह सोचकर वह दृष्टिविष सर्प बिल में अपना मुंह डालकर बैठ गया। भगवान् उसकी अनुकंपा से वहीं ठहरे। भगवान् को देखकर गोपालक आदि वहां आए। वे स्वयं को वृक्षों की ओट में छुपाकर उस सर्प पर पत्थर फेंकने लगे। वह कंपन नहीं कर रहा है यह देखकर उन्होंने उसे काष्ठ से हिलाना शुरू किया। फिर भी वह अस्पंदित रहा। उन्होंने लोगों को सर्प की स्थिति बतलाई। लोग आकर भगवान् को वंदना कर सर्प की भी पूजा करने लगे। कुछ लोगों ने घृत से सर्प का मर्दन किया, उसका स्पर्श किया। घृत के कारण चींटिओं ने सर्प को चारों ओर से जकड़ दिया। उस विपुल वेदना को सर्प पन्द्रह दिनों तक सहता रहा और मरकर सहस्रार देवलोक में उत्पन्न हुआ।
६५. चंडकौशिक का पूर्वभव
पूर्वभव में वह दृष्टिविष सर्प एक क्षपक था। तपस्या के पारणे में वह पर्युषित भक्तपान के लिए गांव में गया। उसके पैरों तले एक मेंढकी मर गई। साथ वाले बाल मुनि ने इस बात की जानकारी दी। क्षपक बोला—'यह मेंढकी लोगों द्वारा मारी गई है, इसे तू मेरे द्वारा मारी गई क्यों बता रहा है?' तब क्षुल्लक मुनि ने सोचा—'संभव है सायं प्रतिक्रमण के समय ये इसकी आलोचना करेंगे।' क्षपक ने वैसा नहीं किया तब क्षुल्लक ने सोचा—संभव है, इनको इसकी विस्मृति हो गई हो। तब वह क्षपक के पास पहुंचा और उनको मेंढकी की स्मृति कराई। क्षपक रुष्ट होकर क्षुल्लक पर प्रहार करने के लिए दौड़ा। अंधकार में वह खंभे से टकराया और वहीं मृत्यु को प्राप्त हो गया। श्रामण्य की विराधना करने के कारण वह ज्योतिष्क देव बना। वहां से च्युत होकर वह कनकखल आश्रम के पांच सौ तापसों के कुलपति की पत्नी के उदर में आया। गर्भ की अवधि पूरी होने पर वह पुत्ररूप में उत्पन्न हुआ। उसका नाम कौशिक रखा गया। वहां अन्य बालकों का नाम भी कौशिक था। वह अपने स्वभाव से अत्यंत चंड था अत: वह चंडकौशिक नाम से प्रसिद्ध हुआ। कुलपति के दिवंगत हो जाने पर वह कुलपति बना। वह अपने वनखंड के प्रति अत्यन्त मूर्च्छित था अत: अन्यान्य तापसों को फल नहीं देता था। वे तापस उस वनखंड को छोड़कर अन्यत्र चले गए। वहां जो भी गोपाल आदि आता, वह उसे मारकर भगा देता! वहां निकट में ही श्वेतांबिका नगरी थी।
एक बार नगरी के राजकुमार वहां आए। जब कुलपति वहां नहीं था, तब उन्होंने उस वनखंड को विनष्ट कर डाला। कुलपति उस समय कांटों की बाड़ के लिए गया हुआ था। गोपालकों ने उसको सारा वृत्तान्त बताया। वह कुठार हाथ में लेकर कुमारों को मारने दौड़ा। उसे आते देखकर कुमार वहां से पलायन कर गए। वह उनके पीछे भागा और अचानक एक गढ़े में गिर गया। उसके हाथ के कुठार से उसका सिर दो भागों में विभक्त हो गया। उससे मृत्यु प्राप्त कर वह उसी वनखंड में दृष्टिविष सर्प के रूप में उत्पन्न हुआ। वह अब रोष और लोभ से उस वनखंड की रक्षा करने लगा। उसके तीव्र विष से सभी तापस दग्ध हो गए। जो बचे, वे वहां से भाग गए। दृष्टिविष सर्प चंडकौशिक त्रिसन्ध्य में उस वनखंड की परिक्रमा करता और यदि चिड़िया भी दृष्टिगत हो जाती तो उसे जलाकर भस्म कर डालता।
६६. नागसेन द्वारा भिक्षा-दान
वहां से भगवान् उत्तरवाचाला गए। वहां पाक्षिक तपस्या के पारणे के लिए वे गृहपति नागसेन के घर पहुंचे गृहपति ने उन्हें क्षीर भोजन से प्रतिलाभित किया। वहां पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए। भगवान् वहां से श्वेतांबिका गए। वहां का प्रदेशी राजा श्रमणोपासक था। उसने भगवान् की वन्दना-पूजा की। कुछ दिन वहां रहकर भगवान् सुरभिपुर की ओर प्रस्थित हुए। रास्ते में उन्हें पांच रथों पर आरूढ नैयिक राजा मिले, जो प्रदेशी राजा के पास जा रहे थे। वे राजा रथों से उतरे, भगवान् को वंदना कर उनकी स्तुति की। वहां से भगवान् आगे बढ़े और सुरभिपुर पहुंचे।
६७. नौका में नागकुमार का उपद्रव
आगे भगवान् को गंगा नदी पार करनी थी। वे तट पर पहुंचे। वहां सिद्धयात्र नामक नाविक की नौका तैयार थी। उसमें लोग बैठ रहे थे। शकुनों का ज्ञाता क्षेमिल भी वहां था। उस समय एक शकुनदाता उलूक बोला। उसकी आवाज सुनकर क्षेमिल बोला—'बुरे शकुन के आधार पर यह प्रतीत होता है कि हमें मारणान्तिक कष्ट झेलना पड़ेगा पर इस महात्मा (भगवान् महावीर) के प्रभाव से हम कष्टमुक्त हो जाएंगे।' नौका आगे बढ़ी। तीक्षणदाढा वाले नागकुमार ने भगवान् को नौका में बैठे देखा। उसका रोष उभर आया। यह वही सिंह का जीव था, जिसको वासुदेव त्रिपृष्ठ के भव में महावीर ने मारा था। वह संसार में परिश्रमण करता हुआ नाग बना। उसने संवर्तकवायु की विकुर्वणा कर नौका को डुबोना चाहा। इतने में कंबल-सबल रूप नागकुमार देवों का आसन चलित हुआ। उन्होंने अवधिज्ञान के उपयोग से जाना कि तीर्थंकर को उपसर्ग दिया जा रहा है। उन्होंने सोचा—'दूसरों सें हमें क्या प्रयोजन?' हमें भगवान् को उपसर्ग से मुक्त करना चाहिए। यह सोचकर वे दोनों देव वहां आए। एक देव ने नौका को थामा। दूसरा देव सुदाढानाग से युद्ध करने लगा। नागदेव का च्यवनकाल निकट था। कंबल देव अधुनोपपन्न तथा महर्द्धिक देव था। उसने नागदेव को पराजित कर डाला। वे दोनों नागकुमार भगवान् को वंदना कर उनके रूप और सत्व का गुणगान करने लगे। लोगों ने भी भगवान् की पूजा की। नदी को पार कर भगवान् नौका से उतरे। उस समय देवताओं ने सुरभित पुष्पों तथा गन्धोदक की वृष्टि की।
६८. कंबल-सबल देव की उत्पत्ति
मथुरा नगरी में जिनदास वणिक् श्रावक था। उसकी पत्नी सोमदासी श्राविका थी। वे दोनों जीवादि तत्त्वों के ज्ञाता तथा कृत-परिमाण अर्थात् व्रतों के धारक थे। उन्होंने चतुष्पद रखने का प्रत्याख्यान कर लिया था इसलिए वे दूसरों से दूध लेते थे। एक दिन एक आभीरी गोरस लेकर आई। श्राविका ने उससे कहा—'गोरस बेचने के लिए तुम अन्यत्र मत जाया करो। तुम जितना गोरस लाओगी, मैं ले लूंगी।' इस प्रकार दोनों के परस्पर बात हो गई। श्राविका उसको गंधपुट आदि देती और वह आभीरी श्राविका को दूध, दही आदि देती। इस प्रकार दोनों में दृढ़ मैत्री हो गई। एक बार आभीरी के घर गोपाल का विवाह था। उसने श्रावक-श्राविका—दोनों को निमंत्रण दिया। श्रावक बोला—'अभी हम बहुत व्यस्त हैं, वहां नहीं आ सकते। तुम्हें विवाह-कार्य में भोजन के लिए कटाह आदि बरतन तथा वस्त्र, आभरण, पुष्प, फल आदि जो वस्तु चाहिए वह यहां से ले जाओ।' वे सारी वस्तुओं को पाकर परम प्रसन्न हुए। लोगों ने बहुत प्रशंसा की। उस आभीरी ने सेठ को तीन वर्षीय कंबल-सबल नाम वाले दो बैल दिए। श्रावक लेना नहीं चाहता था फिर भी बलात् उन दोनों बैलों को उसके घर बांध दिया। एक दिन श्रावक ने सोचा—'यदि मैं इन बैलों को ऐसे ही छोड़ देता हूं तो दूसरे लोग इनको वाहन में जोत लेंगे अत: अच्छा हो ये यहीं रहें। वह उनका प्रासुक चारा से पोषण करने लगा। श्रावक अष्टमी, चतुर्दशी को उपवास करता, धर्म की पुस्तक पढ़ता। वे दोनों बैल उसे ध्यान से सुनते। श्रावक उपवास करता तो वे भी भूखे रहते। दोनों बैल भद्रक और सम्यक्त्वयुक्त थे। श्रावक ने सोचा कि ये दोनों बैल भव्य हैं, उपशांत हैं। श्रावक और इनके परस्पर बहुत स्नेह हो गया।
एक बार नगर में भंडीरमणयात्रा का आयोजन था। श्रावक का मित्र 'भंडीरमणयात्रा' में बिना पूछे ही दोनों बैलों को ले गया। उनको खूब दौड़ाया। दोनों बैल परिश्रान्त हो गए। उसने दोनों को लाकर श्रावक के घर बांध दिया। उसी दिन से दोनों ने चारा-पानी छोड़ दिया। अंत में श्रावक ने दोनों बैलों को अनशन कराया। तब श्रावक उन्हें भक्त प्रत्याख्यान कराकर नमस्कार मंत्र सुनाता रहा। वे मरकर नागकुमार देव-योनि में उत्पन्न हुए।
६९. महावीर का चक्रवर्तित्व
भगवान् ने नौका से उतर कर 'ईर्यावही ' प्रतिक्रमण किया और आगे बढ़ गए। नदी के तट पर 'मधुसिक्थकर्दम' में भगवान् के पदचिन्ह अंकित हुए। पुष्य नामक सामुद्रिक ने वे चिन्ह देखे। उसने सोचा—'आश्चर्य है चक्रवर्ती एकाकी गया है। ये पदचिन्ह उसंके चक्रवर्तित्व की सूचना दे रहे हैं। मैं जाऊं और उसे चक्रवर्तित्व की सूचना दूं, जिससे वह मुझे जीवन में सुख-सुविधा प्रदान करेगा। भगवान् चलते-चलते स्थूणाक सन्निवेश के बाह्य उद्यान में पहुंचे और वहां प्रतिमा में स्थित हो गए। उसने वहां मुनि को देखकर सोचा—'मेरा सामुद्रिक शास्त्र का अध्ययन पलालभूत है, निस्सारप्राय है।' ऐसे लक्षणों वाला श्रमण नहीं हो सकता। इधर इन्द्र ने अवधिज्ञान से देखा कि भगवान् कहां हैं? उसने भगवान् और उस पुष्य सामुद्रिक को भी देखा। वह आया और भगवान् को वंदना कर बोला—'पुष्य! तुम लक्षणों को नहीं जानते। ये मुनि अपरिमित लक्षणों से युक्त हैं। इनके आभ्यन्तर लक्षण ये हैं—इनका रुधिर गाय के क्षीर के समान श्वेत है।' यह प्रशस्त लक्षण है। शास्त्र असत्य नहीं होता। ये धर्म के चातुरन्तचक्रवर्ती हैं। देवेन्द्र, नरेन्द्र द्वारा पूजित हैं। ये भव्यजनरूपी पद्मों के लिए आनन्ददायी होंगे। पुष्य ने यह सुना और समाहित हो गया। वहां से भगवान् राजगृह की ओर प्रस्थित हुए। वहां नालन्दा के बहिर्भाग में तन्तुवायशाला के एक प्रदेश में यथाप्रतिरूप अवग्रह की आज्ञा लेकर प्रथम मासक्षपण स्वीकार कर वहां स्थित हो गए।
७०. गोशालक की कुचेष्टाएं
उस समय और उस काल में मंखली नाम का एक मंख रहता था। उसको पत्नी का नाम भद्रा था। वह गर्भवती हुई। उसने शरवण नामक सन्निवेश के गोबहुल नामक ब्राह्मण की गोशाला में पुत्र का प्रसव किया। उसका गौण नाम गोशाल रखा। जब वह बड़ा हुआ, तब उसे मंखविद्या सिखाई गई। वह चित्रफलक पर चित्रकारी करने लगा। एक बार वह अकेला घूमता हुआ राजगृह की उसी तन्तुवायशाला में आकर ठहरा, जहां भगवान् ठहरे हुए थे। उसने वहीं चातुर्मास किया।
भगवान् मासखमण के पारणे के लिए नगर में विजय नामक गृहपति के घर गए, वहां उन्हें विपुल भोजन की प्राप्ति हुई। पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए। गोशाले ने जब पांच दिव्यों की बात सुनी तो वहां आया और पांच दिव्यों को देखकर बोला—'भगवन्! मैं आपका शिष्य हूं।' भगवान् मौनभाव से वहां से चल पड़े। दूसरे मासक्षपण के पारणे में आनन्द गृहपत्ति ने भगवान् को खाद्यक-विधि से प्रतिलाभित किया। तीसरे मासक्षपण का पारणा सुनन्द के घर में सर्वकामगुणित भोजन से किया। तत्पश्चात् चौथे मासक्षपण की तपस्या स्वीकार कर भगवान् विचरण करने लगे।
कार्तिकपूर्णिमा के दिन गोशालक ने पूछा—'भगवन्! क्या मुझे आज भक्तपान मिलेगा?' सिद्धार्थ बोला—'कोद्रव, तन्दुल और अम्ल-पान के साथ एक खोटा रूप्यक मिलेगा।' गोशालक नगरी में घूमा। कहीं भी उसे आदर नहीं मिला। अपराह में एक कर्मकर ने उसे अम्ल के साथ ओदन दिया, तब उसने भोजन किया। जो एक रूप्यक मिला था, उसकी परीक्षा करने पर वह खोटा निकला। तब उसने सोचा—'जो जैसा होता है, उसे अन्यथा नहीं किया जा सकता।' वह लज्जित होकर स्थान पर आया। भगवान् चौथे मासक्षपण की तपस्या के पारणक के लिए नालन्दा से निकल कर कोल्लाक सन्निवेश की ओर गए। वहां बहुल ब्राह्मण ने दूध और मधु से संयुक्त खीर के भोजन से भगवान् को प्रतिलाभित किया। वहां पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए। गोशालक तन्तुवायशाला में भगवान् को न देखकर राजगृह की ओर गया। गवेषणा करने पर भी भगवान् नहीं मिले। तब अपने भंडोपकरण ब्राह्मणों को देकर, पूरा मुंडन कराकर वह कोल्लाक सन्निवेश पहुंचा। वहां भगवान् से मिला और उनके साथ सुवर्णखल गया। रास्ते में कुछेक ग्वाले बड़े पात्र में गाय के दूध के साथ तंदुलों से खीर पका रहे थे। गोशालक बोला—'भगवन्! वहां चलें और खीर का भोजन करें।' सिद्धार्थ बोला—'खीर नहीं पकेगी बीच में ही बर्तन फूट जाएगा।' गोशालक को इस पर विश्वास नहीं हुआ। वह ग्वालों के पास जाकर बोला—'ये देवार्य त्रिकालज्ञाता हैं। ये कहते हैं कि खीर का भाजन फूट जाएगा अत: तुम सावधानी पूर्वक इसकी रक्षा करना।' तब उन ग्वालों ने बर्तन को बांस की खपचियों से बांध दिया। फिर उन्होंने उस दूध भरे बर्तन में बहुत मात्रा में तन्दुल डाले। मात्रा की बहुलता से भाजन फूट गया। फूटे बर्तन के खप्पर में जो खीर रह गई, उसे ग्वालों ने खाया। गोशालक को कुछ नहीं मिला। तब गोशालक को नियति पर दृढ़ विश्वास हो गया।
वहां से भगवान् ब्राह्मणग्राम में गए। वहां नंद और उपनंद—दो भाई रहते थे। गांव दो भागों में विभक्त था। एक नंद के अधीन था और दूसरा उपनंद के। भगवान् नंद के विभाग में नंद के घर पारणक के लिए पहुंचे। नंद ने बासी अन्न से भगवान् को प्रतिलाभित किया। गोशालक उपनंद के घर गया और भिक्षा देने के लिए कहा। उस समय भोजन की वेला नहीं थी तब उसने ठंडा ओदन देना चाहा। गोशालक ने लेने से इन्कार कर दिया। तब उपनंद ने दासी से कहा—'यह ठंडा ओदन इस पर फेंक दो।' दासी ने वैसा ही किया। तब गोशालक ने रोष में आकर कहा—'यदि मेरे धर्माचार्य का तप अथवा तेज हो तो इसका घर जलकर राख हो जाए।' तब वहां सन्निहित व्यंतर देव ने सोचा कि भगवान् का प्रभाव झूठा न हो जाए, इसलिए उसने घर जला डाला। भगवान् चंपा नगरी में गए और वर्षावास की स्थापना की। वहां द्विमासिक तपस्या तथा अन्य विचित्र तप:कर्म स्वीकार किए और खड़े-खड़े प्रतिमा में स्थित हो गए। साथ ही कायोत्सर्ग, उत्कटुक आसन आदि में लीन हो गए। यह भगवान् का तीसरा वर्षावास था।
चंपा नगरी में दूसरा द्विमासिक तपस्या का पारणक बाह्य परिसर में करके भगवान् गोशालक के साथ कालाय सन्निवेश की ओर प्रस्थित हुए। भगवान् वहां जाकर शून्यगृह में प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक भी उस शून्यगृह के द्वारपथ पर बैठ गया। ग्राम-प्रधान का पुत्र सिंह गोष्ठीदासी विद्युन्मती के साथ उस शून्यगृह में आया। उसने वहां आकर कहा—'यहां शून्यगृह में कोई श्रमण, ब्राह्मण अथवा कोई पथिक ठहरा हुआ हो तो बताए, हम अन्यत्र चले जाएंगे।' भगवान् मौन रहे और गोशालक भी कुछ नहीं बोला। ग्रामप्रधान का पुत्र और विद्युन्मती वहां कुछ समय बिताकर जाने लगे। गोशालक ने उस महिला को छूआ। उसने कहा—'अरे! यहां कोई है।' ग्रामप्रधान के पुत्र ने गोशालक को पीटा और कहा—'यह धूर्त्त है। इसने हमें अनाचार का आचरण करते हुए देख लिया है।' गोशालक भगवान् के पास जाकर बोला—'भंते! मैं अकेला पीटा जाता हूं। आप उसका निवारण नहीं करते।' सिद्धार्थ ने कहा—'तुम अपना आचरण ठीक क्यों नहीं रखते? क्या हम भी तुम्हारे साथ पीटे जाएं? तुम भीतर क्यों नहीं बैठते, द्वार पर क्यों बैठते हो?'
भगवान् वहां से पात्रालक सन्निवेश में जाकर एक शून्यगृह में प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक पीटे जाने के भय से अन्दर जाकर बैठा। वहां ग्रामप्रधान का पुत्र स्कन्दक अपनी पत्नी से लज्जित होकर अपनी निजी दासी दत्तिलिका के साथ उसी शून्यगृह में प्रविष्ट हुआ। उन्होंने भी पूछा—'कोई भीतर है?' किसी ने कोई उत्तर नहीं दिया, मौन रहे। जब वे दोनों बाहर जाने लगे, तब गोशालक हंस पड़ा। ग्रामप्रधान के पुत्र ने उसे पीटा। भगवान् पर कुपित होकर गोशालक बोला—'मैं पीटा जाता हूं फिर भी आप इसको नहीं रोकते। मैं आपके पीछे क्यों चल रहा हूं?' तब सिद्धार्थ बोला—'तुम अपने ही अपराध से पीटे जाते हो। तुम अपनी वाणी और मुंह पर नियंत्रण क्यों नहीं रखते?'
भगवान् कुमाराक सन्निवेश में गए। वहां जाकर चम्पकरमणीय उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गए। उसी सन्निवेश में पार्श्वापत्यीय बहुश्रुत स्थविर मुनिचन्द्र अपने शिष्यों के साथ कूपनय नामक कुम्भकार की शाला में स्थित थे। वे अपने शिष्य को गण का भार सौंपकर जिनकल्पप्रतिमा की साधना कर रहे थे। वे अपनी आत्मा को 'सत्त्व भावना' से भावित कर रहे थे। इस भावना के पांच चरण होते हैं—पहले इसकी साधना उपाश्रय में, फिर उपाश्रय से बाहर, फिर चौराहों पर, फिर शून्यगृह में और अंत में श्मशान भूमि में होती है। स्थविर मुनिचन्द्र दूसरे चरण की साधना कर रहे थे। गोशालक भगवान् के पास आकर बोला—'भंते! भिक्षाचर्या के लिए निकलें।' सिद्धार्थ ने कहा—'आज तपस्या है।' तब गोशालक अकेला गया। घूमते हुए उसने पार्श्वापत्यीय श्रमणों को देखा। उसने पूछा—'आप कौन हैं?' उन्होंने कहा—'हम श्रमण-निर्ग्रन्थ हैं?' उसने आश्चर्य के साथ कहा—'अहो! निर्ग्रन्थ होते हुए भी आपके पास इतना ग्रन्थ (परिग्रह) है। आप कैसे निर्ग्रन्थ हुए?' उसने अपने आचार्य (भगवान् ८४ आवश्यक निर्युक्ति की कथाएं महावीर) का वर्णन किया—'मेरे आचार्य ऐसे महात्मा हैं।' तब उन्होंने कहा—'जैसे तुम हो, वैसे ही तुम्हारे धर्माचार्य हैं। उन्होंने स्वयं लिंग ग्रहण किया है।' यह सुनकर गोशालक ने कहा—मेरे धमाचार्य की शपथ है। यदि मेरे धर्माचार्य का प्रभाव है तो आपका उपाश्रय जल जाए। उन्होंने कहा—'तुम्हारे कहने मात्र से हम नहीं जलेंगे।' गोशालक वहां से भगवान् के पास आकर बोला—'भंते! मैंने आज सारंभ और सपरिग्रही श्रमणों को देखा है। उसने सारी बात बताई।' तब सिद्धार्थ ने कहा—'वे पार्श्वापत्यीय साधु हैं। वे नहीं जलेंगे।'
रात्रि-वेला में उपाश्रय से बाहर आकर आचार्य मुनिचन्द्र प्रतिमा में स्थित हो गए। उस दिन कूपनक कुंभकार पंक्ति में भक्तपान कर विकाल में मत्त होकर आया। उसने मुनिचन्द्र आचार्य को बाहर खड़े देखा। उसने सोचा—'यह चोर है।' उसने उन्हें गले से पकड़ा। उनका श्वास रुक गया पर वे ध्यान से विचलित नहीं हुए। उन्हें अवधिज्ञान हुआ और दिवंगत हो गए। उस समय निकटस्थ व्यंतर देवों ने उत्सव और पूजा की। गोशालक बाहर बैठा हुआ यह सब देख रहा था। देव बाहर जा रहे थे और अंदर प्रवेश कर रहे थे। गोशालक ने सोचा कि आचार्य जल गए हैं अत: उसने स्वामी से कहा कि इस प्रत्यनीक का उपाश्रय जल गया। सिद्धार्थ बोला—'उनका उपाश्रय नहीं जला है। उनके आचार्य को अवधिज्ञान उत्पन्न हो गया और उनका आयुष्य भी पूर्ण हो गया है। वे मरकर देवलोक में गए हैं इसलिए आसपास के व्यंतर देवों ने यह उत्सव किया है।' जब देव पूजा-अर्चना कर चले गए तब वह उस स्थान पर गया तथा गंधोदक और पुष्पों की सुगंध देखकर अत्यधिक हर्षित हुआ। फिर उसने आचार्य मुनिचन्द्र के साथ वाले साधुओं को जगाकर कहा—'अरे! तुम नहीं जानते? तुम मुंड ऐसे ही घूम रहे इहो। उठो, आचार्य दिवंगत हो गए, यह भी तुम नहीं जानते। क्या सारी रात सोते रहोंगे?' तब उन साधुओं ने सोचा—'यह पिशाच है, रात में भी घूमता है।' वे भी उसके कहने पर उठे। आचार्य के पास गए। उन्होंने देखा—'आचार्य दिवंगत हो गए हैं।' दु:ख का अनुभव करते हुए उन्होंने सोचा—'हमें ज्ञात ही नहीं हुआ कि आचार्य कालगत हो गए हैं।' गोशोलक उनका तिरस्कार कर चला गया।
वहां से प्रस्थान कर भगवान् चोराक सन्निवेश में गए। वहां के नगररक्षक ने उन्हें गुप्तचर समझकर पकड़ लिया और बांधकर कूए में लटका दिया। उन्होंने पहले गोशालक को बाहर निकाला। लेकिन भगवान् को नहीं निकाला। वहां उत्पल की दो बहिनें सोमा और जयंती नामक दो परिव्राजिकाएं रहती थीं। पहले वे पार्श्व की परंपरा में साध्वियां थीं परन्तु चारित्र की परिपालना न कर सकने के कारण वे परिव्राजिकाएं बन गई थीं। उन्होंने सुना कि यहां के प्रहरियों ने दो व्यक्तियों को बंदी बना कर कूंए में उतारा है। उन्हें ज्ञात था कि चरम तीर्थंकर प्रव्रजित हो चुके हैं। वे वहां आई और भगवान् को देखा। उनके कहने पर प्रहरियों ने भगवान् और गोशालक को मुक्त कर दिया। परिव्राजिकाओं ने प्रहरियों से कहा—'यह तुमने क्या किया? क्या अपना विनाश चाहते हो? ये भगवान् हैं।' प्रहरियों ने भयभीत होकर भगवान् से क्षमायाचना कर उनकी पूजा की।
भगवान् पृष्ठचंपा नगरी गए। वहां चौथा वर्षावास किया। वहां उन्होंने चातुर्मासिक तप स्वीकार कर विचित्र प्रतिमा आदि की साधना की। पृष्ठचंपा की बाहिरिका में तपस्या का पारणा कर वे कृतंगला नगरी गए। वहां दरिद्रस्थविर नामक तापंस (पाषंडी) रहते थे। वे सपरिग्रही, हिंसा करने वाले तथा स्त्रियों के साथ रहते थे। उनके वाटक के मध्य एक देवकुल था। भगवान् वहां प्रतिमा में स्थित हो गए। उस दिन वहां भयंकर ठंड थी। हवा में शीत बिन्दुओं का पात भी हो रहा था। उस दिन उन पाषंडियों का जागरण था। वे सारी रात महिलाओं के साथ गाते-बजाते रहे। गोशालक ने कहा—'अहो! ये पाषंडी हैं। हिंसा में रत हैं। महिलाओं के साथ रहते हैं और उनके साथ गाते-बजाते हैं। यह सुनकर पाषंडियों ने गोशालक को बाहर निकाल दिया। अत्यंत शीत पवन के कारण गोशालक बाहर संकुचित होकर बैठ गया। पाषंडियों ने अनुकंपा कर उसे भीतर बुला लिया। पुन: उसने वैसे ही शब्द कहे। उन्होंने उसे फिर बाहर निकाल दिया। पुन: दया करके वे उसे भीतर ले आए। तीन बार ऐसा हुआ। उसने फिर कहा—'मैं स्पष्ट कहता हूं तो मुझे बाहर निकाल दिया जाता है।' दूसरे लोगों ने कहा—'यह देवार्य महावीर का सेवक अथवा भगवान् का छत्रधर होगा अत: मौन रहो।' वह बैठ गया। पाषंडियों ने अपने वाद्य जोर—जोर से बजाने प्रारंभ कर दिए, जिससे गोशालक के शब्द सुनाई न पड़ें।
भगवान् श्रावस्ती नगरी के बाह्य उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक ने पूछा—'आप चलेंगे?' सिद्धार्थ बोला—'आज तपस्या है।' उसने पूछा—'आज मुझे भोजन में क्या प्राप्त होगा?' सिद्धार्थ ने कहा—'आज तुम्हें मनुष्य का मांस खाने को मिलेगा।' उसने कहा—'मैं आज ऐसे घर मैं भोजन करूंगा, जहां मांस संभव नहीं है। फिर मनुष्य के मांस की तो बात ही क्या?' वह नगर में भिक्षा के लिए घूमने लगा।
श्रावस्ती नगरी में पितृदत्त नामक गृहपति रहता था। उसकी पत्नी का नाम श्रीभद्रा था। वह मृत संतान का प्रसव करने वाली थी। उसने एक दिन शिवदत्त नामक नैमित्तिक से पूछा—'मेरी संतान जीवित कैसे रह सकती है?' उस नैमित्तिक ने कहा—'तुम अपने मृत गर्भ को सुशोभित कर, उसे पका कर, खीर बनाकर सुतपस्वी को दोगी तो तुम्हारी संतान जीवित रह पाएगी। तपस्वी को वह खीर खिलाकर तुम अपने घर का द्वार अन्य दिशा में कर देना, जिससे कि वह तपस्वी घटना को जान लेने पर तुम्हारा घर जला न पाए। इस प्रकार तेरी संतान जीवित रह सकेगी। उसने वैसा ही किया। गोशालक घूमता हुआ उसी के घर में गया। गृहस्वामिनी ने उसे मधु-घृत संयुक्त खीर का भोजन दिया। उसने सोचा, इसमें मांस कैसे हो सकता है? उसने भरपेटभोजन किया। अपने स्थान पर जाकर वह बोला—'तुम चिरकाल से निमित्त-विद्या का प्रयोग करते रहे हो पर आज वह मिथ्या हो गयी।' सिद्धार्थ बोला—'मेरा वचन मिथ्या नहीं हो सकता। यदि तुम्हें विश्वास हो तो वमन करके देखो।' गोशालक ने वमन किया। उसमें नाखून तथा अन्य अवयवों के टुकड़े देखे। वह रुष्ट होकर उस घर की खोज में गया। उस घर के मालिक ने घर के द्वार बदल दिए थे। घर नहीं मिला तब वह चिल्लाया। जब पता नहीं लगा तब आवेश में उसने कहा—'यदि मेरे धर्माचार्य का तप:तेज हो तो वह घर जल जाए।' तब घर की सारी बांहिरिका जल गई।
वहां से भगवान् हरिद्राक गांव में गए। वहां विशाल हरिद्रक वृक्ष था। श्रावस्ती नगरी में प्रवेश करते अथवा निर्गमन करते समय सार्थवाह उस वृक्ष के नीचे रुकते थे। भगवान् उसी वृक्ष के नीचे प्रतिमा में स्थित हो गए। शीतकाल का समय था। एक सार्थ आया और उसने रात में वहां अग्नि जलाई। प्रभात में सार्थ वहां से चला गया। अग्नि बुझाई नहीं अत: जलती हुई अग्नि भगवान् के निकट आ गई, जिससे भगवान् को परिताप हुआ। गोशालक बोला—'भंते! यहां से भागो। अग्नि इधर ही बढ़ रही है।' भगवान् के पैर जल गए। गोशालक वहां से भाग गया।
वहां से भगवान् नंगला गांव में गए और वासुदेव के मंदिरगृह में प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां कुछ बालक खेल रहे थे। गोशालक आंखें निकालकर बालकों को डराने लगा। भय से बालक दौड़ने लगे। उनमें कुछ नीचे गिर पड़े। उनके घुटने घायल हो गए। कुछेक के गुल्फ टूट गए। उन बालकों के माता-पिता वहां आए और गोशालक को पीटने लगे। उन्होंने भगवान् से कहा—'यह आपका दास स्थान पर नहीं बैठता, कुचेष्टाएं करता रहता है।' कुछ लोगों ने कहा—'इसे क्षमा कर देना चाहिए।' फिर गोशालक भगवान् के पास आकर बोला—'मैं पीटा जाता हूं, आप निवारण नहीं करते।' सिद्धार्थ ने कहा—'तुम स्थान पर स्थिरता से नहीं बैठते अत: अकेले पीटे जाओगे।'
भगवान् आवर्तत नामक गांव में गए। वहां बलदेव के मंदिरगृह में प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां भी गोशालक बच्चों को मुखविकारों के द्वारा डराने लगा। बच्चों को उसने पीटा। वे रोते-रोते माता-पिता के पास गए और अपनी बात कही। माता-पिता ने वहां आकर गोशालक की पिटाई की। 'यह पागल है', यह सोचकर उन्होंने उसे छोड़ दिया। लोगों ने सोचा—'इसको पीटने से क्या प्रयोजन? हम इसके स्वामी को मारें, जो इसको बुरी हरकतों से निवारित नहीं करते।' वे भगवान् को मारने के लिए उठे। इतने में ही बलदेव की प्रतिमा हल को भुजा पर रख कर उठी। वे सभी लोग भयभीत होकर भगवान् के चरणों में गिरे और क्षमायाचना कर घर चले गए।
भगवान् चोराक नामक सन्निवेश में गए। वहां सामूहिक भोज पक रहा था। वहां भगवान् प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक बोला—'आज यहां से चलना है।' सिद्धार्थ ने कहा—'आज हम यहीं रहेंगे।' गोशालक वहां ऊंचा-नीचा होकर देखने लगा कि भिक्षा के लिए देश-काल हुआ या नहीं?' वहां चोरों का भय था। वहां के लोगों ने सोचा—'यह बार-बार इधर-उधर देख रहा है अत: चोर होना चाहिए।' लोगों ने उसे पीटकर बाहर निकाल दिया। भगवान् भीतर थे। गोशालक ने कहा—'मेरे धर्माचार्य का यदि तप: प्रभाव हो तो वह मंडप जल जाए। उसके कहते ही मंडप जल गया।'
वहां से भगवान् कलंबुका सन्निवेश में गए। वह सीमान्तवर्ती गांव था। मेघ और कालहस्ती वहां के शासक थे। दानों भाई थे। एक बार कालहस्ती कुछ चोरों को साथ ले चोरी करने निकला। गोशालक और भगवान् आगे चल रहे थे। कालहस्ती ने पूछा—'तुम कौन हो?' भगवान् मौन थे। तब उन्होंने उनको पीटा। फिर भी वे कुछ नहीं बोले। तब उन दोनों को बांधकर वे बड़े भाई मेघ के पास ले गए। उसने ज्योंही भगवान् को देखा, वह आसन से उठा, भगवान् की पूजा कर उन्हें बंधन-मुक्त किया। मेघ ने भगवान् को पहले कुंडग्राम में देखा था।
भगवान् लाट देश में गए। उनका लक्ष्य था—अत्यधिक कर्म-निर्जरा करना। वहां अवहेलना, निंदा आदि को सहनकर बहुत कर्मों की निर्जण की। पूर्णकलश नाम का अनार्य गांव था। वहां के दो चोर लाट देश में जाना चाहते थे। भगवान् को अपशकुन मानकर वे तलवार से शिरच्छेद करने के लिए भगवान् को ओर दौड़े। शक्र ने अवधिज्ञान से जाना। वज्र फेंककर उसने दोनों चोरों को मार डाला। विहरण करते हुए भगवान् भद्रिका नगरी में आए। वहां पांचवां वर्षावास बिताया और चातुर्मासिक तपस्या स्वीकार की। विचित्र तप:कर्म और कायोत्सर्ग-प्रतिमा आदि की साधना की।
चातुर्मासिक तप का पारणा बाहिरिका में संपन्न कर वहां से भगवान् कदलीसमागम नगर में गए। वहां शरद्काल में लावकभक्त दध्यन्न के साथ दिया जाता था। गोशालक बोला—'वहां चलें।' सिद्धार्थ बोला—'आज हमारे तपोनुष्ठान है।' गोशालक वहां गया और दध्यन्न का भोजन करने लगा। वह तृप्त नहीं हुआ। तब लोगों ने कहा—'बड़े भाजन में दध्यन्न तैयार करो। वैसा ही किया गया।' फिर गोशालक ने उसे नहीं लिया तब लोगों ने वह दध्यन्न उसके ऊपर फेंक दिया। वह उनसे रुष्ट होकर चला गया।
भगवान् तंबाक गांव में गए! वहां पार्श्वापत्यीय बहुश्रुत स्थविर आचार्य नंदिसेन अपने शिष्यों के साथ आए थे। वे जिनकल्प की साधना कर रहे थे। भगवान् भी वहीं प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक नंदिषेण के पास गया। पूर्ववत् उनकी अवहेलना-निन्दा की। उस दिन आचार्य नंदिषेण एक चौराहे पर प्रतिमा में स्थित थे। वहां आरक्षकपुत्र आया और चोर समझ कर उन पर भाले से प्रहार किया। मंदिषेण को केवलज्ञान उत्पन्न हो गया। (शेष कथा मुनिचंद्र आचार्य के समान है।)
भगवान् कूपिक सन्निवेश में गए। वहां के आरक्षकों ने उन्हें गुप्तचर समझ कर पकड़ा और बांधकर पीटा। लोगों में यह प्रवाद फैल गया कि देवार्य को गुप्तचर समझ कर पकड़ लिया है। वहां पार्श्व-परंपरा की दो परिव्राजिकाएं विजया और प्रगल्भा रहती थीं। उन्होंने यह प्रवाद सुना और सोचा—'चरम तीर्थंकर प्रव्रजित हो गए हैं, हम चलें और उन्हें देखें। कौन जाने, वे ही हों।' वहां जाकर परिव्राजिकाओं ने उन सैनिकों से कहा—'दुरात्माओ! तुम नहीं जानते। ये अंतिम तीर्थंकर हैं। महाराज सिद्धार्थ के पुत्र हैं। इंद्र कुपित होकर तुम्हें उपालंभ देगा।' उन्होंने भगवान् को मुक्त कर क्षमायाचना की।
वहां से आगे जाने के दो रास्ते थे। गोशालक ने भगवान् से कहा—'मैं आपके साथ नहीं चलूंगा।' आप मेरा पीटने वालों से निवारण नहीं करते। एक बात और है। आप के साथ चलने से अनेक उपसर्ग सहन करने पड़ते हैं और मैं ही पहले पीटा जाता हूं अत: अब मैं अकेला विहार करूंगा। सिद्धार्थ बोला—'जैसी तुम्हारी इच्छा।' भगवान् वैशाली की ओर प्रस्थित हुए। गोशालक भगवान् से पृथक् होकर दूसरी ओर चला। वह पथ आगे जाकर रुक गया। वहां एक चोर वृक्ष को ओट में खड़ा रहकर उसे देख रहा था। उसने देखा—'एक नग्न श्रमणक आ रहा है।' चोरों ने कहा—इसके पास कुछ भी नहीं है। यह भयभीत भी नहीं है। इसका कोई साथी नहीं है, जो हमें पराजित कर सके। पांच सौ चोर उसे पागल समझकर मारने लगे। तब गोशालक ने सोचा—'भगवान् के साथ रहना ही अच्छा है। साथ रहने से जो भगवान् को मुक्त करता है, वह मुझे भी मुक्त कर देगा। अब वह भगवान् की खोज करने लगा।
७९. कर्मकर द्वारा प्रहार
भगवान् वैशाली पहुंचे और वहां से आज्ञा लेकर कर्मकरशाला में प्रतिमा में स्थित हो गए। वह साधारण शाला थी। वहां एक कर्मकर छह महीनों के पश्चात् शुभतिथि और करण में लोहकार के आयुध लेकर काम प्रारंभ करने आया। आते ही उसने नग्न खड़े महावीर को देखा। भगवान् को अमंगल समझकर वह उन्हें मारने दौड़ा। हाथ में घन लिया और प्रहार करने के लिए ऊपर उठाया। इन्द्र ने अवधिज्ञान से जाना और क्षण भर में ही वहां आकर उसी घन से उस कर्मकर की घात कर दी। शक्र भगवान् को वंदना कर चला गया।
७२. कटपूतना का उपद्रव
भगवान् ग्रामाक सन्निवेश में बिभेलक उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां बिभेलक नामक यक्ष का आयतन था। वह यक्ष प्रतिमा में स्थित भगवान् को पूजा करता था। वहां से भगवान् शालिशीर्षक नामक गांव में गए और वहां उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गए। उस समय माघ महीना था। वहां कटपूतना नाम की व्यन्तरी रहती थी। वह भगवान् के तेज को सहन नहीं कर सकी। उसने तापसी का रूप बनाया, वल्कल धारण किया और जटा में पानी भरकर संपूर्ण शरीर को आर्द्र कर, भगवान् के ऊपर ठहर कर शरीर को कंपित करने लगी। उसने भयंकर वायु की विकुर्वणा की। यदि वहां कोई अन्य साधक होता तो वह छिन्न-भिन्न हो जाता। भगवान् ने उस तीव्र वेदना को समभाव से सहन किया। समभावपूर्वक सहन करने से अवधिज्ञान की सीमा का विस्तार हुआ और वे संपूर्ण लोक को जानने-देखने लगे। गर्भ से प्रारंभ कर शालिशीर्ष ग्राम तक भगवान् का देवलोक प्रमाण अवधिज्ञान था। उनके शरीर के ग्यारह अंग (चैतन्यकेन्द्र) अतीन्द्रिय ज्ञान के साधन थे। उनसे वे देवलोक के पदार्थों तक का ज्ञान कर लेते थे। अब वे लोकावधि से संपन्न हो गए। वह व्यन्तरी पराजित हो गई। जब वह उपशांत हुई, तब उसने भगवान् की पूजा की।
७३. गोशालक का पुन: आगमन
भगवान् भद्रिका नगरी में गए और वहां छठा वर्षावास बिताया। वहां गोशालक छठे महीने में आकर भगवान् से मिला। भगवान् ने वहां चातुर्मासिक तप तथा विचित्र अभिग्रह किए। उस गांव की बाहिरिका में पारणा कर भगवान् आठ मास तक निरुपसर्ग रूप में मगध जनपद में विहरण करते रहे।
भगवान् ने सातवां वर्षावास आलभिका नगरी में बिताया। वहां भी चातुर्मासिक तप किया और बाहिरिका में पारणा कर कुंडाग सन्निवेश में वासुदेव मंदिर के एक कोने में प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक भी वासुदेव की प्रतिमा के लिंग को मुंह में डालकर स्थित हो गया। इतने में ही मंदिर का पुजारी वहां आया। गोशालक को उस अवस्था में देखकर उसने सोचा—'लोग मुझे राग-दवेष युक्त न मान लें, इसलिए वह गांव में गया और लोगों से कहा—'चलो, मंदिर में जाकर देखो। अन्यथा तुम मुझे रागी कहोंगे।' लोगों ने आकर गोशालक को उस स्थिति में देखा तो उसे पीटा और फिर बांधा।
वहां से भगवान मर्दना नामक गांव में गए। वहां भगवान् बलदेव के मंदिर के एक कोने में प्रतिमा में स्थित हो गए। गोशालक वहां भी बलदेव प्रतिमा की जननेन्द्रिय अपने मुंह में डालकर स्थित हो गया। वहां भी वह पीटा गया। लोगों ने उसे पिशाच मानकर छोड़ दिया।
वहां से भगवान् बहुशालक गांव के शालवन उद्यान में ठहरे। वहां 'सालज्जा' नामक व्यन्तरी रहती थी। वह भगवान् की पूजा और स्तुति करती थी। वहां से भगवान् लोहार्गला नामक राजधानी में गए। वहां उस समय जितशत्रु राजा राज्य करता था। उसकी अन्य राजाओं के साथ शत्रुता चल रही थी। सीमा में प्रवेश करते ही भगवान् को गुप्तचर समझ कर राजपुरुषो ने उनका निग्रह कर डाला। पूछने पर भगवान् मौन रहे। तब आस्थानमंडप में स्थित राजा के समक्ष दोनों को उपस्थित किया गया। वहां अस्थिकग्राम से आया हुआ नैमित्तिक उत्पल पहले से ही उपस्थित था। उसने राजपुरुषों द्वारा भगवान् को लाते हुए देखा। वह उठा और तिकखुत्तो के पाठ से वंदना कर राजा से बोला—'राजन्! ये गुप्तचर नहीं अपितु सिद्धार्थ महाराज के पुत्र धर्मवरचक्रवर्ती हैं, भगवान् हैं। इनके शरीरिक लक्षणों को आप देखें।' राजा ने उनका आदर-सत्कार किया और मुक्त कर दिया।
वहां से भगवान् पुरिमताल नगर में गए। वहां वग्गुर नाम का श्रेष्ठी रहता था। उसकी भार्या का नाम भद्रा था। वह वन्ध्या थी। वह अनेक देवी-देवताओं की मनौती करके थक गई। एक बार वह उज्जैनी नगरी के शकटमुख उद्यान में गई। वहां उसने एक खंडहर मंदिर को देखा। वहां मल्लिस्वामी की प्रतिमा थी। उसने वहां प्रतिमा के समक्ष प्रणाम कर यह संकल्प किया कि यदि मेरे संतान हो जाएगी तो मैं इस मंदिर का जीर्णोद्धार करा दूंगी। मैं इसकी भक्ता हो जाऊंगी। इस प्रकार संकल्प के साथ प्रणाम करके वह चली गई। सन्निहित व्यन्तरी देवी ने अपना अतिशय दिखाया। भद्रा गर्भवती हुई। उसने यथासमय पुत्र का प्रसव किया। मंदिर का जीर्णोद्धार करवा दिया गया। प्रतिमा की त्रिसंध्य पूजा होने लगी। इस प्रकार वह वग्गुर श्रावक बन गया।
भगवान् महावीर विचरण करते हुए शकटमुख उद्यान में जाकर प्रतिमा में स्थित हो गए। वग्गुर श्रेष्ठी स्तान आदि से शुद्ध होकर, नए वस्त्र धारण कर, हाथ में विविध प्रकार के पुष्पों से सज्जित थाल लेकर, अपने परिजनों के साथ मंदिर में पूजा करने आया। ईशान देवलोक का इन्द्र उस समय अपने यान-विमान एवं ऋद्धि के साथ भगवान् की पर्युपासना में बैठा था। उसने पूजा के लिए हाथ में फूल आदि लिए हुए वग्गुर को आयतन में जाते देखा। इन्द्र बोला—'वग्गुर! तुम प्रत्यक्ष तीर्थंकर की महिमा न कर प्रतिमा को पूजने जा रहे हो। ये जगनाथ, लोकपूज्य भगवान् महावीर वर्द्धमान हैं।' वग्गुर ने 'मिच्छामि दुक्कडं' कहकर क्षमायाचना की और भगवान् की पूजा में लग गया।
वहां से भगवान् ऊर्णाक गांव की ओर चले। मार्ग में वर-वधू का युगल मिला। वे दोनों दन्तुर और विरूप थे। उन्हें देखकर गोशालक बोला—'यह सुसंयोग है। विधि दक्ष है। कोई दूरस्थ भी क्यों न हो, जो जिसके योग्य होता है, वह उसका संयोग करा देती है।' यह सुनकर लोगों ने गोशालक को पीटा और बांस के झुरमुट में फेंक दिया। अत्राण होकर उसने भगवान् को बुलाया। सिद्धार्थ बोला—'यह तुम्हारी स्वकृत कुचेष्टा का परिणाम है।' भगवान् आगे जाकर रुके। लोगों ने सोचा—'यह भगवान् का सेवक अथवा छत्रधर है, इसलिए भगवान् यहां ठहरे हैं। यह सोचकर लोगों ने गोशालक को मुक्त कर दिया।'
वहां से भगवान् गोभूमि की ओर चले। वहां सदा गायें चरने आती थीं इसलिए उसका नाम गोभूमि पड़ा। बीच में एक सघन अटवी थी। गोशालक ने वहां ग्वालों से पूछा—'अरे वज्रलाढो! यह मार्ग किस गांव की ओर जाता है।' तब ग्वाले बोले—'रोषपूर्वक अटसंट क्यों बोल रहे हो?' तब गोशालक बोला—'अरे अपितृपुत्रो! अरे क्षौरपुत्रो! मैं ठीक ही कह रहा हूं।' तब ग्वालों ने मिलकर उसे पीटा और बांधकर बांस के झुरमुट में फेंक दिया। भगवान् के उपशम को देखकर लोगों ने उसे छोड़ दिया।
भगवान् ने राजगृह में आठवां वर्षावास किया। विचित्र अभिग्रहों से संयुक्त चातुर्मासिक तपस्या का पारणक बाहिरिका में संपन्न कर भगवान् ने शरद्ऋतु में अपनी मति से एक दृष्टान्त कहा—'एक कौटुम्बिक के खेत में प्रचुर शालि धान हुआ।' तब वह पथिकों को कहता—तुम इस धान की कटाई करो मैं तुम्हें मन-इच्छित भोजन दूंगा। इस प्रकार उपाय से उसने धान के फसल की कटाई करा दी। उस कौटुम्बिक की भांति मेरे भी बहुत कर्म अवशिष्ट हैं। इनको भी काटकर निर्जरा करनी है। इसी उद्देश्य से भगवान् अनार्य देश की लाट भूमि और वज्रभूमि में गए। वहां के अनार्य लोगों ने उनकी निंदा और अवहेलना की। वहां नौवां वर्षावास बिताया। स्थान न मिलने से वह वर्षावास अस्थिर था। वहां छह महीने तक भगवान् ने अनित्य जागरिका की साधना की।
वहां से प्रथम शरद्ऋतु में भगवान् सिद्धार्थपुर गए। वहां से कूर्मग्राम को ओर प्रस्थित हुए। मार्ग में एक तिलस्तंब को देखकर गोशालक ने पूछा—'भगवन्! यह तिलस्तंब निष्पन्न होगा या नहीं? भगवान् बोले—'यह निष्पन्न होगा। इस तिलस्तंब में सात तिल के जीव आकर तिल की फली में उत्पन्न होंगे।' गोशालक को इस बात पर श्रद्धा नहीं हुई। उसने तिलस्तंब के पास जाकर उसको जड़ सहित उखाड़ कर एक ओर फेंक दिया। सन्निहित व्यंतर देवों ने सोचा—'भगवान् का वचन मिथ्या न हो इसलिए उन्होंने वर्षा की।' काली गाय उस ओर आई और उसके खुर से वह उत्पाटित तिलस्तंब भूमि में गड़ गया। कालान्तर में वह अंकुरित होकर पुष्पित हो गया।
७४. बालतपस्वी वैश्यायन
चंपा और राजगृह नगरी के मध्य में गोब्बर ग्राम में एक गोशंखी कौटुम्बिक रहता था। वह आभीरों का अधिपति था। उसकी भार्या का नाम बंधुमती था। वह वन्ध्या थी। उस गांव के निकटवर्ती गांव को चोरों ने लूट लिया। वे लोगों को मारकर तथा बंदी बनाकर भाग गए। एक नवप्रसूता स्त्री को सद्य:जात बालक के साथ पकड़ा। उसके पति को चोरों ने मार दिया था। दु:खी होकर उस स्त्री ने सद्य:जात बालक को जंगल में छोड़ दिया। उस बालक को गोशंखी आभीर ने देखा। ग्वालों के चले जाने पर उसने वह बालक उठाया और अपनी पत्नी को दे दिया। लोगों में यह बात प्रचारित कर दी कि मेरी पत्नी के गूढ गर्भ था। गोशंखी ने एक बकरे को मारकर, उसके खून की गंध फैलाकर, प्रसूति के योग्य कपड़े पहनाकर पत्नी को नेपथ्य के पीछे सुला दिया। प्रसूत महिला के लिए जो करणीय था, वह उसने किया जिससे लोगों को कोई भ्रम न हो।
वह बालक वहां बढ़ने लगा। उसकी मूल माता को चोरों ने चंपा में बेच दिया। स्थविरा वेश्या ने उसे अपनी बेटी के रूप में रख लिया। स्थविरा ने उसे वेश्या के सारे उपचार सिखा दिए। वह प्रसिद्ध गणिका हो गयी।
वह गोशंखी पुत्र तरुण हो गया। एक बार वह मित्रों के साथ घी की गाड़ियां को लेकर चंपा नगरी गया। वहां उसने अपने मित्रों और नागरिकों को यथेच्छ क्रीड़ा करते हुए देखा। उसकी भी काम-क्रीड़ा करने की इच्छा हो गयी। वह वेश्या के बाड़े में गया। उसे वेश्या बनी हुई अपनी माता पसंद आई। उसने उसका मूल्य दिया। स्नान और विलेपन से निवृत्त होकर वह वहां जाने के लिए प्रस्थित हुआ। रास्ते में उसका पैर गंदगी से लिप्त हो गया। उसे ज्ञात नहीं हुआ कि पैर पर क्या लगा है? इसी बीच उसके कुलदेवता ने सोचा कि कहीं यह अकृत्य का आचरण न कर ले अत: इसे प्रतिबोध देना चाहिए। रास्ते में देव ने गोबाड़े में गाय सहित बछड़े की विकुर्वणा की। गोशंखी पुत्र उधर से गुजरा। उसने अपने पैर की गंदगी को बछड़े के शरीर से पोंछा। तब वह बछड़ा गाय से बोला—'अम्मा! यह व्यक्ति अमेध्यलिप्त पैर को मेरे शरीर से साफ क्यों कर रहा है?' तब वह गाय मनुष्य की भाषा में बोली—'पुत्र! तुम इतने अधीर क्यों हो रहे हो?' यह व्यक्ति आज अपनी माता के साथ अकृत्य का सेवन करेगा। जब यह ऐसा अकृत्य कर सकता है तो और दूसरे अकृत्य क्यों नहीं कर सकता? यह बात सुनकर उस गोशंखी पुत्र को आशंका हो गयी। उसने निश्चय किया कि मैं उस वेश्या से पूछूंगा। वह वेश्या के पास गया और पूछा—'तुम कौन हो और तुम्हारी उत्पत्ति कैसे हुई?' उसने स्त्रियोचित हाव-भाव प्रदर्शित किए लेकिन वह उससे प्रभावित नहीं हुआ। गोशंखी पुत्र बोला—'मैं तुम्हें इतना ही मूल्य और दूंगा, तुम मुझे यथार्थ बात बताओ।' उसने शपथ दिलाकर सारी बात बता दी।
गोशंखी पुत्र तत्काल अपने गांव गया और अपने माता-पिता से यथार्थ बात पूछी। जब उन्होंने कुछ बताना नहीं चाहा तब वह अनशन लेकर बैठ गया। उसको अनशन में देखकर माता-पिता ने यथार्थ स्थिति बता दी। उसने वेश्या बनी हुई अपनी माता को छुड़ाया और विरक्त हो गया। कामभोगों की यह स्थिति है यह सोचकर वह पाणामा प्रव्रज्या से दीक्षित हो गया और वैश्यायन के नाम से प्रसिद्ध हो गया।
७५. गोशालक और वैश्यायन
भगवान् कूर्मग्राम पहुंचे। उस ग्राम के बाहर बालतपस्वी वैश्यायन आतापना ले रहा था। सूर्य के आतप से उसको जटा से जूएं नीचे गिर रही थीं। वह तपस्वी जीवदया से प्रेरित होकर उन जूओं को पुन: जटा में स्थापित कर रहा था। यह देखकर गोशालक तपस्वी के निकट जाकर बोला—'तुम ज्ञानी मुनि हो अथवा जूओं के शय्यातर?' स्त्री हो अथवा पुरुष? यह सुनकर तपस्वी मौन रहा। उसने दो-तीन बार ऐसे ही कहा। तपस्वी वैश्यायन रुष्ट होकर उठा और तेजोलेश्या निकाली। यह देखकर भगवान् ने तपस्वी की उष्णतेजोलब्धि को प्रतिहत करने के लिए शीतल तेजोलेश्या निकाली। भगवान् की वह शीतल तेजोलेश्या जंबूद्वीप को भीतर से परिवेष्टित कर रही थी। तपस्वी की उष्णतेजोलेश्या गोशालक के निकट आते ही शीतल हो गई। तपस्वी ने भगवान् की ऋद्धि देखकर पूछा—'भगवन्! तेजोलेश्या प्रतिहत हो गई। मैं नहीं जानता था कि यह गोशालक आपका शिष्य है। आप क्षमा करें।' गोशालक ने भगवान् से पूछा—'स्वामिन्! यह जूओं का शय्यातर क्या कह रहा है?' स्वामी ने सारी बात बताई तब वह भयभीत होकर बोला—'भगवन्! संक्षिप्त-विपुल तेजोलेश्या कैसे उत्पन्न होती है?' भगवान् बोले—'गोशालक! जो व्यक्ति छह महीने तक बेले-बेले की तपस्या करके निरंतर आतापना लेता है, पारणक में सनख कुल्माषपिंड खाता है तथा एक चुल्लु भर प्रासुक जल पीता है, उस मनुष्य के संक्षित-विपुल तेजोलेश्या उत्पन्न होती है।'
७६. गोशालक द्वारा नियतिवाद का ग्रहण
एक बार भगवान् कूर्मग्राम से सिद्धार्थपुर की ओर प्रस्थित हुए। वे उस तिलस्तम्ब के निकट से गुजर रहे थे। गोशालक बोला—'भंते! वह तिलस्तंब निष्पन्न नहीं हुआ।' भगवान् ने कहा 'निष्पन्न हुआ है। यह वनस्पति काय का परावृत्यपरिहार (च्युत होकर उसी शरीर में पुन: उत्पन्न होना) है।' गोशालक को विश्वास नहीं हुआ। वहां जाकर उसने तिल की फली को स्वयं फोड़ा। उसमें सात तिल निकले। उस दिन से गोशालक 'पउट्टपरिहार' के आधार पर नियतिवाद का पूर्ण समर्थक बन गया। वहां से वह श्रावस्ती नगरी में जाकर एक कुंभकारशाला में ठहरा। छह महीने तक उसने भगवद्-प्ररूपित तेजोलेश्या की साधना की। उसकी परीक्षा करने के लिए उसने कूपतट पर स्थित दासी को जला डाला। फिर वहां छह दिशाचरों ने उसे निमित्त-ज्ञान का बोध कराया। अब वह अजिन होकर भी स्वयं को जिन कहने लगा। उसको इस विभूति की प्राप्ति हो गई।
७७. भगवान् की नौका-यात्रा
भगवान् वैशाली में जाकर प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां बच्चों ने पिशाच समझकर उनको स्खलित किया। वहां गणराज्य था। वहां का राजा शंख भगवान् के पिता सिद्धार्थ का मित्र था। उसने भगवान् की पूजा-अर्चना की। वहां से भगवान् वाणिज्यग्राम की ओर चले। बीच में गंडकी नदी आई। नौका से उसे पार कर भगवान् दूसरे तट पर आए। नाविक ने नौका में चढ़ने का मूल्य मांगा। मूल्य न देने पर वह उनको व्यथित करने लगा। उसी समय शंख राजा का भानजा चित्र, जो दूतकार्य के लिए अन्यत्र गया हुआ था, नौका-सेना से वहां आ पहुंचा। उसने भगवान् को पहचान लिया और उन्हें मुक्त कर उनकी पूजा को।
७८. आनन्दश्रावक को अवधिज्ञान
वहां से भगवान् वाणिज्यग्राम के बाह्या उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गएं। वहां आनन्द नामक श्रावक बेले-बेले की तपस्या करता था। उसको अवधिज्ञान प्राप्त हुआ। उसने तीर्थंकर को देखा और वंदना करके बोला—'अहो! अभी भगवान् को उपसर्ग सहन करने हैं। इतने समय के पश्चात् आपको केवलज्ञान होगा, उसने भगवान् की पूजा-अर्चना की।
७९. प्रतिमाओं की विशिष्ट साधना एवं पारणा
वहां से भगवान् श्रावस्ती नगरी में गए। वहां दसवां वर्षावास बिताया। अनेक प्रकार के तपोनुष्ठान किए। वहां से सानुलष्टिक ग्राम गए। वहां भद्रा, महाभद्रा, सर्वतोभद्रा प्रतिमाओं की एक साथ साधना की। प्रतिमाओं को संपन्न कर भगवान् ने आनन्द गाथापति के घर में बाहुलिका दासी के हाथ से पारणा ग्रहण किया। दासी रसोई के बर्तन साफ करते समय जो बासी अन्न बचा था, उसे फेंकने के लिए बाहर जा रही थी। उसी समय भगवान् उसके घर में प्रविष्ट हुए। उसने पूछा—'भंते! किस प्रयोजन से आए हैं?' स्वामी ने हाथ फैलाए। उसने परम श्रद्धा से बासी भोजन भगवान् को दिया। पांच दिव्य प्रकट हुए।
वहां से भगवान् दृढ़भूमि गए। गांव की बाहिरिका में पेढाल नामक उद्यान में पोलास चैत्य था। वहां भगवान् ने तेले की तपस्या कर एकरात्रिकी प्रतिमा में अनिमेषदृष्टि से एक पुद्गल पर दृष्टि को स्थापित कर ध्यान किया। इस ध्यान में अचित्त पुद्गलों पर ही दृष्टि टिकाई, सचित्त पुद्गलों से दृष्टि हटा ली। वे ईषत् अवनतकाय मुद्रा में रहे।
८०. संगम देव द्वारा बीस मारणांतिक कष्ट
इन्द्र ने भगवान् की साधना को अवधिज्ञान से देखा। वह सुधर्मा सभा में बैठे-बैठे भगवान् को वंदना करके बोला—'अहो! आप त्रिलोक को जीत चुके हैं। कोई भी देव या दानव आपको विचलित नहीं कर सकता। संगम देव ने यह सुना।' वह सौधर्म देवलोक के इन्द्र का सामानिक अभव्यसिद्धिक देव था। उसने कहा—'इन्द्र ने राग के वशीभूत होकर ऐसा कहा है। कौन पुरुष ऐसा होगा, जो देवों से विचलित न हो। मैं उसे विचलित करूंगा।' इंद्र ने सोचा—'मैं अगर इसको रोकूंगा तो इसका अर्थ होगा महावीर दूसरों के सहारे तपस्या कर रहे हैं।' भगवान् तो अनंतबली हैं ऐसा सोचकर इंद्र मौन रहा।
वह संगम देव वहां से चलकर भगवान् के पास आया। सबसे पहले उसने प्रतिमा में स्थित भगवान् पर वज्रधूलि की वर्षा की। उससे आंख, नाक, कान आदि सारे शरीर के स्रोत धूलि से भर गए। श्वास तक रुक गया। स्वामी तिलतुषमात्र भी ध्यान से विचलित नहीं हुए। तब देव ने थककर धूलि का संहरण कर तीष मुंह वाली चींटियों को विकुर्वणा की। वे चारों ओर शरीर को काटने लगीं। वे शरीर के एक स्रोत से प्रवेश कर दूसरे स्रोत से बाहर निकलतीं। वे शरीर के भीतर चारों ओर व्याप्त हो गई। शरीर चलनी जैसा हो गया, फिर भी भगवान् ध्यान से चलित नहीं हुए। तब देव ने वज्रमुखी खटमलों की विकुर्वणा की। वे एक ही प्रहार (दंश) से शरीर का लहु निकाल देते थे। भगवान् ध्यान में अप्रकंपित थे। तत्पश्चात् वज्रमुखी तिलचट्टों की बाढ़ आ गई। वे तीक्ष्ण दंस देने लगे। जैसे-जैसे उपसर्ग आते गए, वैसे-वैसे भगवान् की ध्यानधारा प्रबल होती गई। फिर देव ने बिच्छुओं से भगवान् को सताया। जब इनसे भी भगवान् विचलित नहीं हुए तब नेवले आए। वे अपनी तीक्ष्ण दाढ़ा से भगवान् को काटने लगे। उन्होंने शरीर के टुकड़ों को नोच-नोच कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद संगम देव ने सपो की विकुर्वणा की। वे विष के रोष से परिपूर्ण, उग्रविष युक्त तथा दाहज्वर पैदा करने वाले थे। उन्होंने भगवान् को डसा पर भगवान् अविचलित रहे। तब चूहों का दल आया। वे शरीर के खंड़ों को निकाल कर वहीं मल-मूत्र का विसर्जन करने लगे। इससे भगवान् को अतुल वेदना हुई। जब इससे भी भगवान् पराजित नहीं हुए तब हाथियों की टोली आई। एक हाथी ने भगवान् को सूंड में पकड़ा और सात-आठ ताल-हाथ आकाश में उछाल कर अपने दंतशूलों में थामा। फिर भूमि पर पटककर वींधा और पहाड़ जैसे भारी-भरकम पैरों से कुचला। इतने पर भी भगवान् विचलित नहीं हुए, तब हथिनी का रूप बनाकर भगवान् को सूंड से, दांतों से वींधा, शरीर को फाड़कर उसको मूत्र से सींचा और पैरों तले कुचल कर मसल डाला। इतने पर भी भगवान् का ध्यान भग्न नहीं हुआ तो देव ने पिशाच और व्याघ्र के रूप की विकुर्वणा की। उन्होंने दाढाओं और नखों से भगवान् को विदारित किया तथा क्षारयुक्त पेशाब से उनके शरीर को सींचा। जब इन सब प्रकार के उपसर्गों से भगवान् चलित नहीं हुए तब संगम देव ने अनुकूल उपसर्गों का सहारा लेते हुए सबसे पहले सिद्धार्थ राजा का रूप बनाया और करुण-क्रन्दन करते हुए बोला—'पुत्र! घर चलो। हमें मत छोड़ो। फिर त्रिशला का रूप बनाकर सामने आया। वैसे ही करुण विलाप किया। इसके पश्चात् रसोइया बनकर सामने आया। उसने निकट ही एक स्कन्धावार की विकुर्वणा की। पत्थर न मिल सकने पर रसोइये ने भगवान् के दोनों पैरों के बीच अग्नि जलाकर पकाने का पात्र रखा। जब इससे भी भगवान् विचलित नहीं हुए, तब एक चांडाल के रूप की विकुर्वणा की। उसने पक्षी युक्त पिंजरों को, भगवान् की भुजाओं में, गले में तथा कानों में टांग दिया। उनमें रहे हुए पक्षी भगवान् को काटने लगे, वींधने लगे और मल-मूत्र का विसर्जन करने लगे। भगवान् के विचलित न होने पर मंदर पर्वत को विचलित करने वाली खरवात वायु की विकुर्वणा की। फिर भी भगवान् अविचल रहे। उस वायु ने भगवान् को ऊपर उठा-उठा कर भूमि पर पटका। इसके बाद कलंकलिंका वायु का तूफान आया। उसने भगवान् को चक्र की भांति घुमाना प्रारंभ किया। फिर नंद्यावर्त वायु चली। जब वह भी भगवान् को विचलित करने में असमर्थ हुई तब उसने कालचक्र को आकाश में उछाला और भगवान् को मारने के लिए उसे छोड़ा। वह वज्रसदृश कालचक्र ऐसा था कि मंदर को भी चूर-चूर कर डाले। उसके प्रहार से भगवान् पूरे के पूरे भूमि में दब गए। केवल हाथ के अग्रनखमात्र दृष्टिगोचर हो रहे थे। जब इन सब प्रहारों से भगवान् का बाल भी बांका नहीं हुआ तब संगम देव ने सोचा कि इनको मारना या विचलित करना शक्य नहीं है। मुझे अनुलोम उपसर्ग उपस्थित कर इनको विचलित करना चाहिए। यह विचार कर संगम देव ने प्रभात काल की विकुर्वणा की। सभी लोग इधर-उधर आने-जाने लगे। उन्होंने भगवान् से कहा—'देवार्य! अभी तक यही खड़े हो?' भगवान् ने अपने ज्ञान से जान लिया कि अभी प्रभात नहीं हुआ है। यह बीसवां उपसर्ग था। कुछ लोगों की मान्यता के अनुसार संगम देव बोला—'मैं तुम पर तुष्ट हूं। बोलो, क्या दूं? तुम्हारे शरीर को स्वर्ग में ले जाऊं अथवा मोक्ष में? अथवा तीनों लोकों को तुम्हारे पैरों में लाकर गिरा दूं।' जब भगवान् इस प्रलोभन में नहीं आए तब वह लौट गया और सोचा कि कल फिर उपसर्ग करूंगा।
८१. संगम देव के अन्य उपद्रव
दूसरे दिन भगवान् बालुका नामक गांव की ओर चले। संगम ने वहां पांच सौ चोरों की विकुर्वणा की। बालुका में पैर धंसते थे। यह पिशाच अथवा पागल है, ऐसा कहकर एक-एक चोर ने भगवान् पर चढ़ कर उस बालुका को पार किया। भगवान् बालुका गांव में भिक्षा के लिए गए। संगम देव भगवान् का रूप बनाकर काणाक्षि से स्त्रियों को बाधित करने लगा। स्त्रियों ने उन्हें पीटा। आगे भगवान् सुभौम नगर में भिक्षा के लिए गए। वहां भी देव स्त्रियों के प्रति अंजलिकर्म करने लगा। स्त्रियों ने पीटा। वहां से भगवान् सुच्छत्रा गांव में गए। देव ने वहां भगवान् के रूप में विट् की विकुर्वणा की और अट्टहास करता हुआ, नाचता-गाता हुआ गांव में चलने लगा, अशिष्ट बोलने लगा। वहां भी भगवान् की पिटाई हुई। वहां से मलय गांव में देव ने भगवान् का उन्मत्त रूप बनाया और स्त्रियों को त्रास देने लगा, पकड़ने लगा। लड़कों ने वहां उन पर कचरा डाला, ढेलों से मारा। वहां से भगवान् हस्तिशीर्ष नगर में गए। देव ने भगवान् को भव्य रूप में प्रस्तुत किया। उनकी जननेन्द्रिय को स्तब्ध कर दिया। जब स्त्री दृष्टिगोचर होती तब वह उत्थापित होती। यह देखकर लोगों ने भगवान् को पीटा।
भगवान् ने सोचा कि यह देव अत्यधिक लोकापवाद कर रहा है, साथ ही भोजन भी अनेषणीय बना रहा है अत: अब मैं गांव में प्रवेश न करके बाहर ही रहूंगा। भगवान् गांव के बाहर चले गए। जहां महिलाओं का समूह होता, वहां वह देव जननेन्द्रिय को स्तब्ध कर देता। भगवान् की उस स्थिति में इंद्र ने उनकी पूजा की। तभी से ढोंढ शिव का प्रचलन हुआ।
भगवान् ने सोचा कि यह देव अत्यन्त अवहेलना कर रहा है अत: एकान्त में रहना ही श्रेयस्कर है। भगवान् को एकान्त में देखकर देव ने उपहास करते हुए कहा—'मैं आपको विचलित नहीं कर सकता पर आप गांव में चलें तब आपका पराक्रम देखूंगा।' इंद्र ने वहां आकर भगवान् की संयमयात्रा और अव्याबाध प्रासुक विहार की सुखपृच्छा की और वंदना करके चला गया।
वहां से भगवान् तोसलि गांव के बाहर ही प्रतिमा में स्थित हो गए। उस अभव्य देव ने सोचा—'ये गांव के अंदर नहीं जाएंगे अत: मैं यहीं उपसर्ग पैदा करूं।' वह गांव में गया। वहां क्षुल्लक का रूप बनाकर घरों में सेंध लगाने लगा। उपकरणों सहित गृहस्वामी ने उसे पकड़ा और पीटने लगा। तब वह देव बोला—'मुझे मत पीटो। इस बारे में मैं कुछ नहीं जानता। मेरे गुरु ने मुझे ऐसा करने के लिए भेजा है।' लोगों ने पूछा—'तुम्हारा गुरु कहां है?' देव ने कहा—'गांव के बाहर उद्यान में मेरे गुरु बैठे हैं। लोग उद्यान में आए। उन्होंने भगवान् को पकड़कर पीटा और वध के लिए ले जाने लगे। इसी बीच भूतिल नामक इंद्रजालिक वहां आया। उसने कुंडग्राम में भगवान् को पहले देखा था। उसने भगवान् को मुक्त कराया और कहा—'ये सिद्धार्थ राजा के पुत्र हैं।' लोगों ने भगवान् से क्षमायाचना की और उस क्षुल्लक की खोज की लेकिन वह नहीं मिला तो लोगों ने जान लिया कि यह देवकृत उपसर्ग है।
वहां से भगवान् मोसलि गांव गए। वहां गांव के बाहर प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां भी वह क्षुल्लक का रूप बनाकर सेंध लगाने का मार्ग देखने लगा। उसने भगवान् के पास उपकरणों की विकुर्वणा कर दी। लोगों ने उस क्षुल्लक को पकड़कर पूछा—'तुम यहां क्या खोज रहे हो?' वह बोला—'मेरे धर्माचार्य रात को यहां सेंध लगाने आएंगे। उनके पैरों में कांटे न चुभें, वे सुखपूर्वक सेंध लगा सकें इसलिए मैं यहां आया हूं।' लोगों ने पूछा—'तुम्हारे धर्माचार्य कहां हैं?' देव ने कहा—'अमुक उद्यान में स्थित हैं।' लोगों ने वहां जाकर भगवान् को देखा। उनके पास उपकरण पड़े थे। लोग भगवान् को पकड़कर ले जाने लगे! वहां भगवान् का प्रियमित्र सुमागध नामक राष्ट्रिक आया और भगवान् को छुड़वाया। वहां से भगवान् तोसलि ग्राम गए। वहां भी भगवान् को ऐसे ही पकड़ा और फांसी पर चढाया। फांसी का रस्सा बीच में ही टूट गया। सात बार ऐसे ही रस्सी एक सिरे से टूट गई। तब फांसी लगाने वाले लोगों ने तोसलिक क्षत्रिय से सारी बात कही। उसने कहा—'यह निर्दोष है, चोर प्रतीत नहीं होता। उस क्षुल्लक की खोज करो। क्षुल्लक को खोज करने पर वह नहीं मिला तो लोगों ने जान लिया कि यह देवकृत उपसर्ग था।
वहां से भगवान् सिद्धार्थपुर गए। वहां भी चोरी के आरोप में भगवान् को पकड़ा। वहां कौशिक नामक अश्ववणिक् ने भगवान् को पहले कुंडपुर में देखा था। उसने भगवान् को मुक्त करवाया। वहां से भगवान् वज्रगांव के गोकुल में गए। वहां उत्सव के कारण सब घरों में परमान्न का भोजन था। भगवान् ने सोचा—'छह मास बीत गए अब वह देव चला गया होगा। भगवान् भिक्षा के लिए गये। देव ने अनेषणा कर दी। भगवान् ने अवधिज्ञान से देखा अत: भिक्षार्थ गए हुए आधे रास्ते से ही वापिस लौट गए और गांव के बाहर प्रतिमा में स्थित हो गए। देव ने अवधिज्ञान से देखा कि भगवान् के परिणाम विचलित हुए या नहीं? उसने देखा कि भगवान् पूर्ववत् शुद्ध परिणामों की श्रेणी में स्थित तथा षड्जीवनिकाय के प्रति हितचिंतन में लीन थे। भगवान् को उस रूप में देखकर उसने सोचा—'भगवान् को क्षुब्ध करना शक्य नहीं है। जो छह महीनों में विचलित नहीं हुए, उनको दीर्घकाल में भी क्षुब्ध करना संभव नहीं है।' वह भगवान् के चरणों में गिरकर बोला—'भंते! जो इंद्र ने कहा वह सत्य है। मैं भग्नप्रतिज्ञ हूं और आप सत्यप्रतिज्ञ हैं। मैं जा रहा हूं। आप कहीं घूमें अब मैं कोई उपसर्ग नहीं करूंगा।' भगवान् बोले—'संगम! मैं किसी के कहने से कुछ नहीं करता। अपनी इच्छा होती है तो घूमता हूं, अन्यथा नहीं।' दूसरे दिन उसी गोकुल में भगवान् भिक्षा के लिए गए। वहां वत्सपालिका नामक एक वृद्धा ने भगवान् को बासी खीर से प्रतिलाभित किया। वहां पांच दिव्य प्रादुर्भूत हुए।
सौधर्म देवलोक में संगम की प्रतिज्ञा के दिन से सभी देव उद्विग्न थे। संगम देवलोक में पहुंचा। शक्र उसे देखते ही मुंह फेर कर बैठ गया। उसने देवताओं को संबोधित कर कहा—'देवगण! 'घुनो, यह संगम दुरात्मा है।' इसने न मेरी और न देवताओं के चित्त की रक्षा की है। इसने तीर्थंकर की आशातना की है। इससे हमारा अब कोई प्रयोजन नहीं है। इसके साथ कोई भाषण न करे। इसको यहां से निकाल देना चाहिए। तब संगम अपनी देवियों के साथ पानक विमान से मंदरचूलिका पर आ गया। शेष देवों को इन्द्र ने उसको सम्मान आदि देने से रोक दिया। उस समय संगम देव के सागरोपम को स्थिति शेष थी।
८२. इंद्रों द्वारा भगवान् की अर्चा एवं अन्य उपद्रव
वहां से भगवान् आलभिका नगरी में गए। विद्युत्कुमार का इन्द्र हरि वहां आकर भगवान् को वंदना और पूजा करके बोला—'भगवन्! आपकी सुखपृच्छा कर रहा हूं। सभी उपसर्गों को आपने पार पा लिया है। बहुत गया, अब अल्प शेष है। शीघ्र ही आपको केवलज्ञान उत्पन्न होगा।'
वहां से भगवान् श्वेतविका नगरी में गए। वहां हरिस्सह इन्द्र सुखपृच्छा करने आया। वहां से भगवान् श्रावस्ती गए और बाह्य उद्यान में प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां के लोग स्कन्दक प्रतिमा की पूजा करते थे। शक्र ने अवधिज्ञान का प्रयोग करके देखा कि लोग स्कन्दक प्रतिमा की पूजा कर रहे हैं और भगवान् का आदर-सत्कार नहीं कर रहे हैं तब शक्र वहां आया। स्कंदक की अलंकृत प्रतिमा रथ में स्थापित होने वाली थी। उस समय इन्द्र उस प्रतिमा में प्रविष्ट होकर भगवान् की ओर प्रस्थित हुआ। लोगों ने संतुष्ट होकर कहा—'देव स्वयं रथ में आएगा परंतु वह प्रतिमा भगवान् के पास गई और भगवान् को वंदना करने लगी। तब लोगों ने कहा—'ये देवाधिदेव हैं।' उन्होंने भगवान् की पूजा-अर्चा की।
वहां से भगवान् कौशाम्बी नगरी गए। वहां सूर्य और चन्द्रमा—'दोनों अपने विमान सहित आए, भगवान् को वंदना कर सुखपृच्छा की। वाराणसी नगरी में शक्र ने आकर सुखपृच्छा की। राजगृह में ईशान देवलोक के इन्द्र ने आकर सुखपृच्छा की। मिथिला में राजा जनक ने भगवान् की पूजा-अर्चा और धरणेन्द्र ने आकर सुखपृच्छा की। वहां से भगवान् विशाला नगरी गए और ग्यारहवां वर्षावास बिताया। भूतानन्द देव ने वहां आकर सुखपृच्छा की और केवलज्ञान की बात कही। वहां से भगवान् सुंसुमारपुर गए। चमर के उत्पात का यही स्थान था। वहां से भगवान् भोगपुर गए। वहां महेन्द्र नामक क्षत्रिय भगवान् को देखकर खर्जूरीकंद से उनको मारने दौड़ा। इतने में ही सनत्कुमार देव वहां आ पहुंचा और उसकी ताड़ना-तर्जना की। उसने भगवान् की प्रियपृच्छा की वहां से नन्दीग्राम में भगवान् के प्रियमित्र नन्दी ने भगवान् की पूजा-अर्चा की। वहां से भगवान् मेंढिकाग्राम गए। वहां ग्वाले ने कर्मार ग्राम की भांति उपसर्ग दिया। इन्द्र ने उसे रज्जू से पीटा।
८३. चंदनबाला का उद्धार
कौशाम्बी के राजा का नाम शतानीक और रानी का नाम मृगावती था। वहां तत्त्ववादी नामक धर्मपाठक रहता था। वहां के अमात्य का नाम सुगुप्त और उसकी भार्या का नाम नन्दा था। वह श्रमणोपासिका थी। वह मृगावती की साधर्मिणी थी। उसी नगर में धनावह श्रेष्ठी रहता था। उसकी पत्नी का नाम मूला था। वे सभी अपने-अपने कार्यों में तल्लीन थे। वहां भगवान् ने पौष के कृष्णपक्ष की प्रतिपदा को एक अभिग्रह स्वीकार किया। उस अभिग्रह के चार कोण थे—द्रव्यत:, क्षेत्रत:, कालत: और भावत:—
द्रव्यत:—छाज के कोने में उड़द हों।
क्षेत्रत:—घर को देहली का अतिक्रमण।
कालत:—सभी भिक्षाचर भिक्षा लेकर निवृत्त हो गए हों।
भावत:—राजा की पुत्री हो, दासत्व को प्राप्त हो, सांकल से बंधी हुई हो, शिर मुंडा हुआ हो, आंखों में आंसू हो, तीन दिन की तपस्या हो—इस प्रकार की संयुति से ही मुझे आहार-पानी लेना है, अन्यथा नहीं। इस अभिग्रह को स्वीकार कर भगवान् कौशाम्बी में स्थित थे। वे प्रतिदिन भिक्षाचर्या के लिए जाते क्योंकि भिक्षाचर्या में बावीस परीषहों की उदीरणा होती है। चार मास तक भगवान् कौशाम्बी में घूमते रहे। एक दिन वे अमात्य सुगुप्त के घर में प्रविष्ट हुए। अमात्य-पत्नी नन्दा ने भगवान् को जाना-पहचाना। उसने परम आदरभाव से भिक्षा देनी चाही। स्वामी बिना कुछ ग्रहण किए चले गए। नन्दा खिन्न हो गई। उसकी दासियों ने कहा—'देवार्य यहां प्रतिदिन आते हैं, परंतु भिक्षा नहीं लेते।' तब उसने सोचा—'निश्चित ही भगवान् के कोई अभिग्रह है।' उसकी खिन्नता बढ़ी। अमात्य घर आया तब उसने नंदा से खिन्नता का कारण पूछा। उसने कहा—'आपके अमात्यत्व का क्या प्रयोजन है? भगवान् को इतने दिनों से भिक्षा नहीं मिली। हमारे ज्ञान का भी क्या प्रयोजन है यदि हम उनके अभिग्रह को नहीं जान सके।' अमात्य ने नंदा को आश्वस्त करते हुए कहा—'कल भगवान् को भिक्षा मिल सके, वैसा प्रबंध करूंगा।
प्रतिहारी विजया किसी कारणवश नंदा के घर गई थी। उसने भगवान् के विषय में बात सुनी और सारी बात महारानी मृगावती से कही। मृगावती बहुत दु:खी और खिन्न हो गई। वह चेटक की पुत्री थी। राजा के पूछने पर उसने कहा—'आपको राज्य से क्या? आपको मेरे से भी क्या प्रयोजन? भगवान् महावीर इतने समय से शहर में घूम रहे हैं और आपको उनके भिक्षा संबंधी अभिग्रह भी ज्ञात नहीं हैं।' राजा ने रानी को यह कहकर आश्वस्त किया कि मैं वैसा प्रबंध करता हूं, जिससे कल उनको भिक्षा मिल जाए। उन्होंने अमात्य सुगुप्त को बुलाया और उपालंभ की भाषा में कहा—'तुम भगवान् के आगमन की बात भी नहीं जानते। उनको यहां घूमते हुए चार मास बीत गए हैं।' फिर तत्त्ववादी धर्मगुप्त को बुलाकर शतानीक ने पूछा—'तुम्हारे शास्त्र में सभी तीर्थंकरों के आचार का वर्णन आया है, वह मुझे बताओ।' अमात्य से कहा—'तुम भी अपने बुद्धिबल से बताओ।' दोनों ने कहा—'शास्त्रों में अनेक प्रकार के अभिग्रह हैं। पता नहीं, महावीर के कौनसा अभिग्रह है? द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव से संयुक्त सात पिंडेषणाएं और सात पानैषणाएं हैं। उनमें भगवान् के क्या संकल्प हैं, यह ज्ञात नहीं है।' तब राजा ने लोगों को सारी बात समझाई। परलोक के कांक्षी लोगों ने वैसा ही करने का वचन दिया। भगवान् भिक्षा के लिए आए, परन्तु किसी से भगवान् ने कुछ भी ग्रहण नहीं किया।
इधर महाराज शतानीक ने महाराजा दधिवाहन का निग्रह करने के लिए चंपा नगरी पर आक्रमण कर दिया। वह एक ही रात में नौसेना द्वारा चंपा पहुंच गया और अकल्पित रूप से नगरी को घेर लिया। दधिवाहन पलायन कर गया। शतानीक ने युद्ध की घोषणा कर दी। दधिवाहन की रानी धारिणी देवी और उसकी पुत्री वसुमती—दोनों को एक नाविक उठाकर ले गया। राजा शतानीक विजय प्राप्त कर चला गया। उस नाविक ने सोचा, इसे मैं अपनी पत्नी बना लूंगा और लड़की को बेचकर धन कमा लूंगा। धारिणी अत्यंत दु:खी हो गई। लड़की को चिन्ता से दु:खी होकर धारिणी ने प्राण-त्याग दिए। तब नाविक ने सोचा—'मैंने उचित नहीं कहा कि यह महिला ( धारिणी) मेरी पत्नी हो जाएगी।' इस लड़की को मैं अब कुछ भी नहीं कहूंगा, कहीं यह भी प्राण-त्याग न कर बैठे और मुझे धन भी न मिले। वह कौशाम्बी में आया और बाजार में लाकर, उसे ऊंचे स्थान पर खड़ी कर, बेचने का एलान कर दिया। धनावह सेठ ने देखा। उसने सोचा, बिना किसी अलंकार के यह कन्या इतनी लावण्यमयी है, प्रतीत होता है कि यह किसी राजा अथवा धनाढ्य घर की बेटी है। इसे कष्ट न होने पाए यह सोचकर उस नाविक ने जितना मूल्य बताया उस मूल्य में सेठ ने वसुमती को खरीद लिया। सेठ ने पूछा—'बेटी! तुम कौन हो?' वह कुछ नहीं बोली। वह उसे पुत्री मानकर घर ले गया। सेठ ने मूला से कहा—'यह तेरी बेटी है।' वसुमती अपने घर की भांति वहां सुखपूर्वक रहने लगी। वसुमती ने अपने शील और विनीत व्यवहार से पूरे परिजनों को आत्मीय बना डाला। सभी परिजन कहने लगे—'यह शीलचन्दना है।' वहां उसका दूसरा नाम चंदना हो गया। काल बीतता गया।
उसकी सुन्दरता को देखकर मूला के मन में अन्यथाभाव आने लगे। उसमें मत्सरभाव बढ़ा। उसने सोचा, संभव है सेठ इसे अपनी पत्नी बना ले। उस समय यह गृहस्वामिनी हो जाएगी और मैं अस्वामिनी बन जाऊंगी। चन्दना की केशराशि अतीव दीर्घ, रमणीय और काली थी। एक दिन सेठ मध्याह्न में घर आया। उस समय सेठ के पैर प्रेक्षालन करने वाला कोई दास नहीं था। तब चंदना पानी लेकर पैर धोने आई। सेठ ने निषेध किया पर वह हठपूर्वक पैर प्रेक्षालन करने लगी। उस समय उसकी चोटी खुल गई और बाल बिखर गए। बाल पैर धोने के पानी में न गिर पड़ें, इस दृष्टि से सेठ ने एक लकड़ी के टुकड़े से उन्हें उठा लिया और जूड़े में बांध दिया। मूला झरोखे से यह सब देख रही थी। उसने सोचा, सारा काम बिगड़ गया। यदि सेठ किसी भी प्रकार से इससे विवाह कर लेगा तो फिर मेरा स्थान यहां कुछ भी नहीं रहेगा। नीतिकार कहते हैं—'व्याधि जब तरुण हो, तभी उसकी चिकित्सा कर लेनी चाहिए।'
सेठ चला गया। मूला ने एक नाई को बुलाकर वसुमती को मुंड कर डाला। उसे सांकलों से बांधा और पीटा। फिर मूला ने सभी परिजनों से कहा कि जो कोई इस घटना की चर्चा सेठ के समक्ष करेगा, उसे मैं घर में नहीं रहने दूंगी। सारे लोग भयभीत हो गए। मूला ने चंदना को एक ओरे में बंद कर उसके ताले जड़ दिए।
कुछ समय बाद सेठ घर आया। उसने पूछा—'चंदना कहां है?' सभी मौन थे। भय के कारण कोई नहीं बोला। सेठ ने सोचा, वह भवन के ऊपरी भाग में खेलती होगी। रात्रि भें भी सेठ ने पूछा पर कोई उत्तर नहीं मिला। सेठ ने सोचा, 'सो गई होगी।' दूसरे दिन भी चन्दना नहीं दिखी। तीसरे दिन सेठ ने सघन पृच्छा की। उसने कहा—'सही बात बताओ, अन्यथा में सबको मार डालूंगा।' तब एक वृद्धा दासी ने कहा—'मुझे जीने से क्या वह बेचारी जी जाए।' तब उसने सेठ से कहा—'चंदना अमुक कमरे में बंद है।' धनावह ने कमरा खोला और क्षुधा से आहत चंदना को देखा। उसने दासी से ओदन मांगा। वह नहीं मिला। तब बासी कुल्माषों को देख सेठ ने एक सूर्प के कोने में उन्हें रख चंदना को खाने के लिए दिया। वह स्वयं लोहकार को सांकल खोलने या तोड़ने के लिए बुलाने चला गया। जैसे हथिनी आलान स्तंभ से छूटकर अपने घर (विंध्य पर्वत) का स्मरण करती है, वैसे ही चंदना अपने कुल की स्मृति करती हुई, घर की दहलीज के बाहर आई और आपने पूर्वकृत कर्मों का स्मरण करती हुई अन्त:करण में रोने लगी। भगवान् भिक्षाचर्या के लिए घूमते हुए वहां आए। चंदना ने सोचा—'भगवान् को दान दूं। मेरे द्वारा आचीर्ण अधर्म के परिणाम स्वरूप ही मेरी यह दशा हुई है।' उसने कहा—'भगवन्! ये उड़द के बाकुले आपको कल्पते हैं।' चारों प्रकार के अभिग्रहों की संपूर्ति जान कर भगवान् ने हाथ पसारे। चंदना ने उड़द के बाकुले दिए। भगवान् का पारणा हो गया। पांच दिव्य प्रगट हुए। चंदना की केशराशि पूर्ववत् रमणीय हो गई। उसकी सांकलें स्वत: टूट गईं। पैरों में बेड़ियों के स्थान पर स्वर्ण के नुपूर हो गए। देवताओं ने सारे शरीर को अलंकृत-सुशोभित कर दिया। देवराज इन्द्र वहां आया। साढ़े बारह करोड़ सोनैयों की वृष्टि हुई। समूचे शहर में यह बात फैल गई। सभी पूछने लगे कि किस पुण्यात्मा ने भगवान् को दान से प्रतिलाभित किया? राजा अपने अन्त:पुर के साथ वहां आया। महाराज दधिवाहन का संपुल नामक कंचुको वहां था। वह बंदी था, उसे वहां लाया गया। उसने चंदना को पहचान लिंया। वह पैरों में गिर कर रोने लगा। राजा ने पूछा—'यह चंदना कौन है?' उसने कहा—'यह महाराजा दधिवाहन की पुत्री वसुमती है।' तब मृगावती बोली—'यह मेरी बहिन की बेटी है।' अमात्य भी अपनी पत्नी नन्दा के साथ वहां आ गया। भगवान् को वंदना की। भगवान् वहां से चले गए। तब राजा शतानीक ने सोनैयों को बटोरना चाहा। शक्र ने मनाही करते हुए कहा—'चंदना जिसको देना चाहेगी, उसी की यह धनराशि होगी।' चंदना के पूछने पर उसने वह धन सेठ को देने को कहा। सेठ ने सोनैये ले लिए। शक्र ने राजा शतानीक से कहा—'यह चंदना चरमशरीरी है। इसकी तुम संरक्षा करो।' जब भगवान् महावीर को केवलज्ञान प्राप्त होगा, तब यह प्रथम शिष्या बनेगी। राजा ने चंदना को कन्याओं के अन्त:पुर में रखा। वहां वह सुखपूर्वक बढंने लगी। भगवान् को जिस दिन चंदना ने भिक्षा दी, उस समय भगवान् की तपस्या के छह महीनों में पांच दिन न्यून थे। लोगों ने मूला सेठानी का तिरस्कार किया और उपालंभ दिया।
८४. भगवान् का सुमंगला आदि ग्रामों में आगमन
वहां से भगवान् सुमंगला गांव में गए। वहां देव सनत्कुमार ने आकर वंदना-पूजा करके सुखपृच्छा की। वहां से भगवान् सुक्षेत्र गांव में गए। वहां माहेन्द्र ने आकर सुखपृच्छा की। वहां से भगवान् पालक गांव में गए। वहां वातबल नामक वणिक् यात्रा के लिए प्रस्थित हुआ। वह भगवान् के दर्शन को अमंगल मानकर तलवार से उनका शिरच्छेद करने चला। तब सिद्धार्थ ने उस वणिक् का हाथ सहित शिरच्छेद कर डाला।
८५. यक्षों द्वारा प्रश्न तथा इंद्र द्वारा कैवल्य की पूर्व सूचना
वहां से भगवान् चंपा नगरी में स्वातिदत्त ब्राह्मण की अग्निहोत्रशाला में ठहरे। वहां वर्षावास बिताया। रात्रि में पूर्णभद्र और मणिभद्र नाम के दो यक्ष भगवान् की पूजा-उपासना करते। उन्होंने चार महीनों तक यह क्रम निभाया। उन्होंने सोचा कि इन्हें क्या पता कि देवता उपासना करते हैं? यह जताने के लिए उन्होंने भगवान् से पूछा—'यह आत्मा कौन है?' भगवान् बोले—'जो मैं हूं, वही आत्मा है।' फिर पूछा—'आत्मा कैसा है?' भगवान् ने कहा—'वह सूक्ष्म है।' उन्होंने पूछा—'वह सूक्ष्म क्या है?' भगवान् ने कहा—'जिसको हम ग्रहण नहीं कर सकते, वह सूक्ष्म है।' यक्षों ने फिर पूछा—'शब्द, गंध और पवन को भी हम नहीं देखते, क्या वे भी सूक्ष्म हैं?' भगवान् ने उत्तर नहीं दिया, वे सब इन्द्रियग्राह्म हैं। आत्मा ग्रहण करता है अत: वह ग्राहयिता है। स्वातिदत्त ने पूछा—'भदन्त! प्रदेशन और प्रत्याख्यान क्या है?' भगवान् ने कहा—प्रदेशन के दो प्रकार हैं—धार्मिक और अधार्मिक। प्रदेशन का अर्थ है—उपदेश। प्रत्याख्यान भी दो प्रकार का है—मूलगुणप्रत्याख्यान और उत्तरगुणप्रत्याख्यान।
भगवान् जृम्भिका ग्राम में गए। वहां शक्र ने आकर वंदना कर नाट्य दिखाकर कहा—'इतने दिनों के बाद आपको केवलज्ञान प्राप्त होगा।' वहां से भगवान् मिण्ढिका गांव में गए। वहां चमर ने आकर वंदना और सुखपृच्छा की तथा पुन: लौट गया।
८६. ग्वाले द्वारा कान में शलाका ठोकना
षण्माणी गांव के बाहर भगवान् प्रतिमा में स्थित हो गए। वहां एक ग्वाला अपने बैलों को छोड़कर गांव में गया। वह गायों, भैंसों को दुहकर लौटा। वहां से वे बैल चरते-चरते अटवी में चले गए। उसने आकर पूछा—'देवार्य! बैल कहां हैं?' भगवान् मौन रहे। तब उसने क्रुद्ध होकर भगवान् के कानों में बांस की शलाकाएं डाल दीं। एक इस कान में और दूसरी दूसरे कान में। जब दोनों मिल गई तब मूल में उन्हें तोड़ डाला। जिससे उन्हें कोई कानों के बाहर न निकाल सके। भगवान् ने पूर्वभव में त्रिपृष्ठ वासुदेव राजा के रूप में गोप के कानों में गरम तांबा डलवाया था, उसी का यह परिणाम था। भगवान् के उस समय असह्य वेदनीय कर्म की उदीरणा हुई। भगवान् मध्यमा नगरी गए। वहां सिद्धार्थ नामक वणिक् रहता था। भगवान् उसके घर गए। सिद्धार्थ के एक खरक नामक वैद्य-मित्र था। वह उस समय वहीं था। भगवान् भिक्षा के लिए प्रविष्ट हुए। सिद्धार्थ ने भगवान् को वंदना और स्तुति की। वैदय ने तीर्थंकर को देखकर कहा—'अहो! भगवान् सर्वलक्षणसंपन्न हैं फिर इनके शरीर में शल्य कैसे?' तब वणिक् ने वैद्य से कहा—'देखो, शल्य कहां है?' कान में शल्य दिखा। वणिक् ने वैद्य से कहा—'इस महातपस्वी के शल्य को बाहर निकालो। तुम्हें पुण्य होगा और मुझे भी।' वणिक् बोला—'भगवान् निष्प्रतिकर्म हैं, वे चिकित्सा नहीं चाहते फिर भी इनकी चिकित्सा करनी है।' भगवान् उद्यान में जाकर प्रतिमा में स्थित हो गए। वणिक् और वैद्य औषधियां लेकर उद्यान में गए। उन्होंने भगवान् को तैलद्रोणी में निमज्जित किया, मर्दन किया। फिर अनेक लोगों द्वारा नियंत्रित कर संडास से खींचकर कान की शलाकाएं बाहर निकालीं। वे शलाकाएं रक्त से सनी हुई थीं। उन शलाकाओं को निकालते समय भगवान् के मुख से जोर से आवाज निकली। शलाकाएं निकालने वालों के जाने पर भगवान् उठे। उद्यान तथा मंदिर अत्यंत भयानक हो गया। फिर वैद्य ने घाव पर व्रण-संरोहण औषधि का लेप किया। उससे भगवान् तत्काल स्वस्थ हो गए। वणिक् और वैद्य भगवान् को वंदना और क्षमायाचना कर चले गए।
प्रश्न है कि सभी उपसर्गों में कौन सा उपसर्ग दु:सह था? कटपूतना द्वारा शीत की विकुर्वणा, कालचक्र या कानों से शल्य का उद्र्वतन। इस बारे में ऐसे कहा जा सकता है—कटपूतना का जघन्य, कालचक्र का मध्यम और शल्योद्धरण का उत्कृष्ट। इस प्रकार ग्वाले द्वारा आरब्ध उपसर्ग की परंपरा ग्वाले द्वारा ही समाप्त हुई। ग्वाला सातवीं नरक में तथा वणिक् सिद्धार्थ और वैद्य खरक देवलोक में गए।
८७. महावीर को कैवल्य-प्राप्ति
वहां से भगवान् जृम्भिक ग्राम गए। उसके बाहरी भाग में व्यावृत्त नामक एक जीर्ण चैत्य था। ऋजुबालुका नदी के उत्तरी तट पर श्यामाक गाथापति का खेत था। वहां शालवृक्ष के नीचे भगवान् गोदोहिका आसन में सूर्य का आतप ले रहे थे। भगवान् के बेले की तपस्या थी। वैशाख शुक्ला दशमी का दिन था। चौथा प्रहर होने पर, विजय मुहूर्त्त्त में, चन्द्रमा के साथ उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र का योग होने पर शुक्लध्यान की आंतरिका में वर्तमान भगवान् ने एकत्व-वितर्क को व्यतिक्रान्त कर सूक्ष्मक्रिया-अनिवृत्ति को प्राप्त किया तब भगवान् को केवलज्ञान और केवलदर्शन की उपलब्धि हुई।
८८. वृद्धा दासी और वणिक्
एक वणिक् था। उसके एक वृद्धा दासी थी। वह प्रभात में काठ का भारा लेने गई। वह प्यास और भूख से आकुल-व्याकुल होकर मध्याह्न में आई। काठ न्यून आया है, यह सोचकर वणिक् ने उसे पीटा और बिना भोजन कराए उसे पुन: काठ लाने भेज दिया। उस समय ज्येष्ठ मास चल रहा था। वह अरी में जाकर काठ का बड़ा भारा लेकर आ रही थी। उस समय दिन का अंतिम प्रहर समीप था। चलते-चलते उसके काष्ठभार से एक लकड़ी नीचे गिर पड़ी। वह उसे लेने के लिए झुकी। उस समय भगवान् योजनगामिनी वाणी के द्वारा धर्म-देशना दे रहे थे। वे शब्द उस वृद्धा के कान में पड़े और जब तक देशना चलती रही, वह झुकी ही रही। उसे न गर्मी, न प्यास, न भूख और न श्रम का ही भान रहा। सूर्यास्त के समय जब भगवान् धर्म-देशना से निवृत्त हुए, तब वह वृद्धा घर की ओर चली।
८९. विनय और अविनय का फल
वाह्लीक देश का एक अश्व किशोर था। राजपुरुषों ने उसका दमन करने एवं वाह्य बनाने के लिए विकालवेला में उसको अधिवासित किया। प्रभात में उसको पूजा-अर्चा कर वे उसे वाह्यपंक्ति में ले गए। मुखयंत्र (कविक) उसके सामने रखा गया। वह विनीत था, इसलिए उसने स्वयं उस मुखयंत्र को ग्रहण कर लिया। राजा स्वयं उस पर आरूढ़ हुआ। वह राजा के अनुकूल चलने लगा। राजा उससे उतरा और समीचीन आहार-लयन आदि से उसकी प्रतिचर्या की। प्रतिदिन वह इसी प्रकार रहने लगा। उस पर कोई बलप्रयोग नहीं होता था।
मगध आदि जनपद में उत्पन्न एक अन्य अश्व किशोर था। राजा उसको भी दमित कर वाह्य बनाना चाहता था। उसको विकालवेला में अधिवासित किया गया। उसने मां से पूछा—'यह क्या किया जा रहा है?' मां ने कहा—'कल तुम वाहन के रूप में प्रयुक्त किए जाओगे, तब तुम स्वयं मुखयंत्र ग्रहण कर राजा को तुष्ट करना। एक-एक कदम को सौ कदम जितना मापना।' अश्व ने कहा—'ऐसा ही होगा।' दूसरे दिन कौतुक मंगल करने के बाद उसने स्वयं ही मुखयंत्र को ग्रहण कर लिया। संतुष्ट होकर राजा ने उसको स्नान करवाया तथा अच्छा भोजन दिया। फिर अनेक अलंकारों से उसे अलंकृत किया। मां के पास जाकर उसने सारी बात कही। मां बोली—'वत्स! यह विनयगुण का प्रतिफल है। कल ऐसा मत करना। मुखयंत्र स्वयं ग्रहण मत करना।' दूसरे दिन उस अश्व किशोर ने मां के कथनानुसार स्वयं मुखयंत्र ग्रहण नहीं किया। राजा ने उसे चाबुक आदि से पीटा, बलपूर्वक मुखयंत्र डाला और उसको घुमाया तथा चारा-पानी भी बंद कर दिया। भूख से व्याकुल उस अश्व किशोर ने सारी बात मां से कही। मां बोली—'यह तुम्हारी दुश्चेष्ठ और अविनय का फल है। तुमने दोनों मार्ग देख लिए हैं। अब जो रुचिकर लगे, उसका अनुसरण करो।'
९०. आचार्य द्वारा वैयावृत्य का प्रतिबोध (मरुक और वानर)
एक मुनि में वैयावृत्य करने की लब्धि थी पर वह बाल और वृद्ध मुनियों की वैयावृत्य नही करता था। आचार्य के द्वारा प्रेरित करने पर वह कहता—'वैयावृत्य के लिए मुझसे कोई प्रार्थना नहीं करता। कोई मुझसे काम नहीं करवाना चाहता।' आचार्य ने प्रेरणा देते हुए कहा—'प्रार्थना की प्रतीक्षा करते हुए तुम निर्जरा के लाभ से चूक जाओगे। जैसे ज्ञानमद से मत्त होकर वह ब्राह्मण।'
एक गांव में चौदह विद्यास्थानों का पारगामी एक ब्राह्मण रहता था। उसको अपने ज्ञान का बहुत अहंकार था। वहां का राजा कार्तिकपूर्णिमा के दिन जनता को दान देता था। ब्राह्मण दान लेने नहीं गया। ब्राह्मणी ने कहा—'तुम सब ब्राह्मणों में प्रमुख हो, दान लेने जाओ राजा तुमको प्रचुर दान देगा।' उसने कहा—'पहली बात तो यह है कि मैं शूद्र का प्रतिग्रह करूं? दूसरी बात बिना निमंत्रण के मैं उसके घर जाऊं? मैं मांगने नहीं जाऊंगा। जिसको माता-पिता आदि सात पीढ़ी का काम कराना हो, वह स्वयं यहां आकर दान दे।' ब्राह्मणी ने कहा—'उसके पास तुम्हारे जैसे अनेक ब्राह्मण हैं। यदि धन चाहिए तो राजा के पास जाना ही पड़ेगा।' इस अहं के कारण वह यावज्जीवन दरिद्र ही रहा।' गुरु ने कहा—'इसी प्रकार तुम भी वैयावृत्य की मार्गणा करते हुए निर्जरा के लाभ से वंचित रहोंगे। इन बाल और वृद्ध मुनियों की वैयावृत्य करने के लिए तो दूसरे मुनि तैयार हैं। तुम्हारी यह शक्ति वैसे ही व्यर्थ चली जाएगी जैसे उस मरुक की। इस प्रकार कहने पर वह शिष्य बोला—'यदि सेवा करना अच्छी बात है तो आप स्वयं क्यों नहीं करते?' यह सुनकर आचार्य बोले—'तुम भी उस वानर के सदृश हो, जो हितकर शिक्षा देने पर सामने वाले का अहित करता है।'
एक वानर था। वह वृक्ष पर रहता था। वर्षाकाल में ठंडी हवाओं से वह कांप रहा था। उसी वृक्ष पर पक्षी का एक सुन्दर घासला बना हुआ था। उसमें रहने वाला पक्षी वानर से बोला—'वानर! तुम पुरुष हो। व्यर्थ ही दो-दो हाथों को ढो रहे हो। तुम वृक्ष के शिखर पर कुटिया क्यों नहीं बना लेते, एक छतनुमा घर सा बनाकर क्यों नहीं रहते?' वानर ने यह सुना। वह मौन रहा। पक्षी ने दो-तीन बार उससे कहा। वानर कुपित होकर वृक्ष पर चढ़ा। वह पक्षी अपने घोंसले में चला गया। वानर घोंसले के पास गया और उसका तिनका-तिनका बिखेर डाला और बोला—'न तुम मेरे मालिक हो और न ही मेरे मित्र अथवा बन्धु। हे सुगृहिक! तुम दूसरों की चिन्ता करते हो अत: अब बिना घर के सुखपूर्वक रहो।'
आचार्य बोले 'शिष्य! वानर की भांति तुम स्वयं को मेरे बराबर मानने लगे। मेरे लिए तो निर्जरा के अन्य कार्य भी हैं। उनसे बहुत निर्जरा होती है। यदि मैं वैयावृत्य में लग जाऊंगा तो उस निर्जरा लाभ से वंचित हो जाऊंगा। जैसे—वह वणिक्।'
एक गांव में दो बनिये व्यापार करते थे। वर्षाकाल के प्रारंभ में एक बनिये ने सोचा—'आषाढी पूर्णिमा से पहले घर को वर्षाकाल के अनुरूप बनाना है, आच्छादित करना है। वर्षा का प्रारंभ है, इसलिए कर्मकरों को इस कार्य में नियोजित करने पर दाम देने पड़ेंगे।' यह सोचकर वह स्वयं व्यापार बंद कर इस कार्य में लग गया। दूसरे बनिये ने आधा अथवा त्रिभाग देकर घर को आच्छादित करवा लिया और स्वयं व्यापार में लगा रहा। उसको विपुल लाभ हुआ। पहला बनिया इस लाभ से वंचित रह गया। आचार्य बोले—'वत्स! यदि मैं वैयावृत्य में लग जाऊंगा तो सूत्रार्थ का चिंतन-मनन नहीं कर सकूंगा।' इससे सूत्र और अर्थ की विस्मृति हो जाएगी। उनके नष्ट होने पर गण की सारणा-वारणा नहीं हो सकेगी। उसके अभाव में आज्ञा का प्रवर्त्तन न होने पर वह विलुप्त हो जाएगी और उसके नष्ट होने पर बहुत कुछ विलुप्त हो जाएगा।
९१. राग से होने वाला आयुष्य-भेद
एक गांव से कुछ चोर गाएं चुराकर ले गए ग्रामरक्षकों को ज्ञात होने पर वे कुपित होकर चोरों के पीछे गए और गाएं लेकर वापिस लौट आए। उन ग्रामरक्षकों में एक तरुण रक्षक भी था, जो विद्याधर की भांति अतिशय रूपधारी था। प्यास से आक्रान्त होकर वह मध्यगत एक गांव में पानी पीने के लिए गया। एक तरुणी उसे पानी पिलाने लगी। वह उसमें अनुरुक्त हो गई। तरुण के निषेध करने पर भी वह पानी उंडेलती रही। युवक उठकर चला गया फिर भी वह वैसे ही खड़ी रही। जब तक वह आंखों से ओझल नहीं हुआ, तब तक वह उसे एकटक निहारती रही। जब वह अदृश्य हो गया, तब उस तरुणी ने अत्यंत राग से वहीं प्राण त्याग दिए।
९२. स्नेह से आयुष्य-भेद
एक वणिक् अपनी पत्नी में बहुत अनुरुक्त था। दोनों में परस्पर अतीव अनुराग था। एक बार वणिक् व्यापार के लिए परदेश चला गया। वह परदेश से लौट कर गांव में आया। घर जाने से पूर्व कुछ मित्र मिले। उसे वहीं रोक लिया। कुछ मित्र दोनों के परस्पर अनुराग को परीक्षा करने उसके घर गए और पत्नी से कहा—'सेठ मर गया।' उसने पूछा—'क्या यह सच है?' उन्होंने कहा—'हां!' पत्नी ने तीन बार पूछा और मित्रों ने तीनों बार मरने की बात कही। वह वहीं ढेर हो गई।
फिर मित्र वहां से वणिक् के पास गए और बोले—'मित्र! तुम्हारी पत्नी मर गई।' उसने आश्चर्यचकित होकर पूछा—क्या यह सच है?' मित्रों ने कहा—'सत्य है। यह सुनते ही उसने भी वहीं प्राण त्याग दिए।
९३. भय से आयुष्य-भेद (सोमिल ब्राह्मण)
द्वारिका नगरी के उत्तरपूर्व दिशा में रेवतक नामक पर्वत था। उस पर्वत के पास ही नंदनवन नामक उद्यान था। उसके मध्यभाग में सुरप्रिय नामक यक्षायतन था। उस नगरी का राजा वासुदेव कृष्ण था।
एक बार भगवान् अरिष्टनेमि द्वारिका नगरी में विराज रहे थे। अरिष्टनेमि के अंतेवासी छह भाई भी बेले-बेले की तपस्या करते हुए वहीं विचरण कर रहे थे। एक बार पारणे के दिन दो युगल देवकी के घर में प्रविष्ट हुए। उनको देखकर प्रसन्नमना वह भद्रासन से उठी और उनको केशरिया मोदक से प्रतिलाभित किया। थोड़ी देर बाद मुनियों का दूसरा और फिर तीसरा युगल उसके घर पहुंचा। उनको केशरिया मोदक की भिक्षा देकर देवकी बोली—'कृष्ण वासुदेव की इस द्वारिका नगरी में क्या साधुओं को भिक्षा नहीं मिलती जो उन्हीं घरों में उन्हीं साधुओं को बार-बार आना पड़ता है।' अंतिम युगल में देवयश अनगार बोला—'तुम्हारा सोचना यथार्थ नहीं है। हम छह भाई रूप-रंग और आकार-प्रकार में एक जैसे हैं।' युगल रूप में तीन बार तुम्हारे घर अलग-अलग साधु आए हैं। जो पहली बार आए, वे दुबारा नहीं आए हैं।
मुनि की बात सुनकर देवकी सोचने लगी कि पोलासपुर नगर में अतिमुक्तक अनगार ने कहा था कि तुम नलकुबेर के समान आठ पुत्रों की माता बनोगी लेकिन वर्तमान में यह बात असत्य प्रतीत हो रही है अत: मैं स्वामी अरिष्टनेमि के पास जाकर इस संदर्भ में पृच्छा करूंगी। भगवान् अरिष्टनेमि ने उसके मनोगत भावों को जानकर कहा—'अतिमुक्तक मुनि ने जो कहा, वह सत्य है। भद्रिलपुर नगर में नाग गृहपति की पत्नी का नाम सुलसा था। एक बार नैमित्तिक ने उससे कहा—'तुम मृत संतान पैदा करोगी।' सुलसा बचपन से ही हरिणेगमेषी देव की भक्ता थी। उसने भक्ति-बहुमान पूर्वक देव की आराधना की। प्रसवकाल की समाप्ति पर उसने और तुमने एक साथ प्रसव किया। उसने आठ मृत संतान का प्रसव किया और तुमने देवकुमार सदृश आठ पुत्रों को जन्म दिया। हरिणेगमेषी देव ने अनुकम्पावश तुम्हारे पुत्रों को उसके पास तथा उसकी मृत संतान को तुम्हारे पास रख दिया। इसलिए आज जो मुनि भिक्षार्थ तुम्हारे घर आए थे, वे तुम्हारे ही पुत्र थे, सुलसा के नहीं।'
यह सुनकर देवकी आश्चर्यचकित रह गई। उसने अरिष्टनेमि को वंदना की। वहां से वह छहों अनगारों के पास गयी और वंदना करके उनको हर्ष-मिश्रित आंसुओं से युक्त आंखों से अनिमेष देखने लगी। वह सोचने लगी, मैंने एक जैसे सात पुत्रों को जन्म दिया लेकिन बचपन में किसी का अपने हाथों से लालन-पालन नहीं किया। यह कृष्ण वासुदेव भी छह-छह महीनों से मेरे पास पाद-वंदन के लिए आता था। वे माताएं धन्य हैं, जो अपनी कुक्षि से उत्पन्न बच्चों को स्तन का दूध पिलाती हैं, उनसे तुतली भाषा में मधुर संलाप करती हैं और उनको अपनी गोद में लेकर क्रीड़ा करती हैं। मैं अधन्य माता हूं, जो एक बालक को भी स्तनपान नहीं करा सकी। चिंतन करते हुए वह उदास हो गयी। उसी समय कृष्ण वासुदेव पाद-वंदन हेतु आए। पाद-वंदन करके कृष्ण ने पूछा—'मातुश्री! मुझे देखकर आप सदा प्रसन्नवदन हो जाती हैं लेकिन आज आपका मुख उदास क्यों है?' तब देवकी ने अपने मन का सारा दु:ख वासुदेव कृष्ण को सुना दिया। कृष्ण ने कहा—'मैं देवप्रभाव से प्रयत्न करूंगा, जिससे मेरे एक सहोदर और हो सके।' कृष्ण ने देव की आराधना की देव ने कहा—'देवलोक से च्युत होकर देवकी की कुक्षि से एक पुत्र का जन्म होगा, जो तुम्हारा सहोदर होगा।' उत्पन्न बालक हाथी के तालु के समान कोमल था अत: उसका नाम गजसुकुमाल रख दिया गया। वह बालक सभी यादवों को अत्यन्त प्रिय था। वह सुखपूर्वक वृद्धिंगत होने लगा।
द्वारिका नगरी में सोमिल नामक धनाढ्य ब्राह्मण रहता था। उसकी पत्नी का नाम सोमश्री और पुत्री का नाम सोमा था। वह रूप-यौवन और लावण्य में उत्कृष्ट थी। एक बार वह अलंकृत-विभूषित होकर दासियों के साथ अपने घर से बाहर निकली और राजमार्ग में सोने की गेंद से खेलने लगी।
उसी समय वासुदेव कृष्ण ने सुधर्मा सभा में कौमुदिकी भेरी को बजाया और परिषद् के साथ अरिष्टनेमि को वंदन करने निकले। गजसुकुमाल भी उनके साथ था। श्रीकृष्ण ने सोमिल ब्राह्मण की पुत्री सोमा को देखा और उसके रूप से विस्मित होकर पूछा—'यह किसकी पुत्री है?' कौटुम्बिक पुरुषों ने उसके बारे में सारी जानकारी दी। कृष्ण ने कौटुम्बिक पुरुषों को आदेश दिया कि सोमिल ब्राह्मण से याचना करके इस सोमा को कन्या-अंतेपुर में रख दो। यह गजसुकुमाल को प्रथम पत्नी होगी। कौटुम्बिक पुरुषों ने उसे कन्या-अंतेपुर में रख दिया। कृष्ण भी सहस्राम्ब वन में स्वामी की पर्युपासना करने गये। धर्मकथा सुनकर परिषद् वापिस लौट गयी। गजसुकुमाल ने अरिष्टनेमि से कहा—'मैं अपने माता-पिता की आज्ञा लेकर आपके पास प्रव्रजित होना चाहता हूं।' उसने अपने माता-पिता से कहा—'मैं निर्ग्रन्थ-प्रवचन में प्रव्रजित होना चाहता हूं।' पिता ने कहा—'तुम धन्य हो, कृतपुण्य हो, जो तुम्हें निर्ग्रन्थ प्रवचन में रुचि हुई है। देवकी गजसुकुमाल की बात सुनकर दु:खी और विषण्ण हो गयी।' आसूं बहाती हुई वह बोली—'वत्स! मेरे लिए तुम अत्यन्त प्रिय पुत्र हो। मेरे हृदय को आनन्द उत्पन्न करने वाले हो अत: जब तक हम जीवित हैं तब तक तुम भोगों को भोगो। हमारे कालगत हो जाने पर तुम प्रव्रजित हो जाना।' गजसुकुमाल ने कहा—'भोग तो छोड़ने ही हैं। समझदारी इसी में है कि वे हमें छोड़ें उससे पहले हम उन्हें छोड़ दें।'
जब श्रीकृष्ण को गजसुकुमाल की दीक्षा की बात ज्ञात हुई तो वे उसके पास गए और उसको आलिंगनबद्ध करते हुए बोले—'तुम मेरे छोटे भ्राता हो। तुम दीक्षा मत लो। मैं तुम्हारा राज्याभिषेक करना चाहता हूं।' कृष्ण के ऐसा कहने पर गजसुकुमाल ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। श्रीकृष्ण ने कहा—'अधिक नहीं तो एक दिन का राज्याभिषेक देखना चाहता हूं।' माता-पिता और कृष्ण के बहुत आग्रह करने पर गजसुकुमाल मौन रहा। मौन को स्वीकृति मानकर कृष्ण ने कौटुम्बिक पुरुषों को आदेश दिया कि शीघ्र ही गजसुकुमाल के लिए राज्याभिषेक की बहुमूल्य सामग्री प्रस्तुत करो। राज्याभिषेक करके श्रीकृष्ण ने निष्क्रमण-महोत्सव मनाया और गजसुकुमाल के साथ अरिष्टनेमि के समक्ष उपस्थित हुए। वे बोले—'गजसुकुमाल हम सबका अत्यन्त प्रिय है। जैसे कमल पानी और कीचड़ में बढ़ता है लेकिन उससे लिप्त नहीं होता वैसे ही यह गजसुकुमाल भोगों में बड़ा हुआ है पर उनमें लिप्त नहीं है। यह संसार के भय से उद्विग्न है अत: आपके पास प्रव्रजित होना चाहता है। हम भगवान् को शिष्य की भिक्षा देना चाहते हैं। भगवान् कृपा करके शिष्य की भिक्षा स्वीकार करें।' भगवान् की स्वीकृति पाकर गजसुकुमाल उत्तरपूर्व दिशा में गया और सारे आभूषण उतार दिए। पंचमुष्टि लोच करके भगवान् को निवेदन किया—'अब आपकी शरण में मैं आत्मकल्याण करना चाहता हूं।' अरिष्टनेमि ने प्रव्रजित करके उसको यतनापूर्वक सारी क्रिया करने का निर्देश दिया।
गजसुकुमाल मुनि जिस दिन प्रव्रजित हुए, उसी दिन भगवान् अरिष्टनेमि के पास पहुंचे और तीन बार वंदना करके बोले—'आपकी आज्ञा से मैं श्मशान में एकरात्रिकी प्रतिमा करना चाहता हूं।' भगवान् से आज्ञा प्रात करके वे श्मशान की प्रासुक भूमि में एकरात्रिकी प्रतिमा स्वीकार करके स्थित हो गए।
सोमिल ब्राह्मण यज्ञ की लकड़ी लाने के लिए द्वारिका नगरी के बाहर गया हुआ था। लौटते हुए सन्ध्या के समय उसने श्मशान में मुनि गजसुकुमाल को ध्यानस्थ देखा। उनको देखकर उसके मन में वैर उभर आया। उसने सोचा—'यह मेरी बेटी से विवाह किए बिना ही प्रव्रजित हो गया अत: आज वैर का बदला लेने का अच्छा समय है।' उसने चारों ओर देखा। गीली मिट्टी से उसके मस्तिष्क के चारों ओर पाल बांध दी। फिर जलती हुई चिता से अंगारे लाकर सिर पर रख दिए। भयभीत होकर वह शीघ्र ही वहां से चला गया। गजसुकुमाल के शरीर में विपुल वेदना उत्पन्न हो गई। सोमिल ब्राह्मण के प्रति किसी प्रकार की द्वेष भावना लाए बिना उन्होंने समता से उस वेदना को सहा। तब शुभ परिणाम, प्रशस्त अध्यवसाय और विशुद्ध लेश्या द्वारा तदावरणीय कर्म के क्षय होने से अपूर्वकरण में प्रविष्ट होकर उन्होंने केवलज्ञान और केवलदर्शन की प्राप्ति कर ली। उसके पश्चात् सब कर्मों का क्षय करके वे मुक्त हो गए। निकटस्थ देवों ने कैवल्य-महोत्सव मनाया।
भगवान् अरिष्टनेमि को वंदना हेतु श्रीकृष्ण द्वारिका नगरी के मध्य से निकल रहे थे। उन्होंने एक वृद्ध पुरुष को देखा, जो गली से एक-एक ईंट उठाकर अपने घर के अंदर ले जा रहा था। अनुकम्पावश श्रीकृष्ण ने हाथी पर बैठे-बैठे ही एक ईंट उसके घर पहुंचा दी। श्रीकृष्ण को देखकर अनेक पुरुषों ने ईटों को उठाकर उसके घर में रख दिया।
वासुदेव ने भगवान् अरिष्टनेमि को चरण-वंदना कर अन्यान्य मुनियों को वंदना की। मुनि गजसुकुमाल को न देखकर उन्होंने पूछा—'भगवन्! मुनि गजसुकुमाल कहां हैं?' भगवान् अरिष्टनेमि ने श्रीकृष्ण को सारी बात बताई। श्रीकृष्ण ने रोषारुण होकर सोमिल ब्राह्मण के बारे में पूछा। भगवान् ने कहा—'वासुदेव! तुमको क्रोध नहीं करना चाहिए क्योंकि वह सोमिल ब्राह्मण तो कर्म काटने में उसका सहायक बना है। जैसे कल तुमने उस वृद्ध व्यक्ति को सहायता दी वैसे ही सोमिल अनेक भव के संचित कर्मों की उदीरणा और निर्जरा करवाने में सहायक बना है।'
श्रीकृष्ण ने भगवान् से पूछा—'मैं उस सोमिल ब्राह्मण को कैसे पहचानूंगा?' भगवान् ने कहा—'नगर में प्रवेश करते हुए तुमको देखकर भय से हृदय-गति रुक जाने से वह मृत्यु को प्राप्त कर लेगा। यहां से वह अप्रतिष्ठान नरक में नैरयिक के रूप में उत्पन्न होगा। श्रीकृष्ण भगवान् को वंदना करके अपने महलों की ओर जाने लगे। सोमिल ब्राह्मण ने प्रभात काल में सोचा कि वासुदेव जब भगवान् को वंदना करने जाएंगे तब भगवान् से उन्हें सारी बात ज्ञात हो जाएगी। बात ज्ञात होने पर श्रीकृष्ण कहीं मुझे कुमौत से न मार दें, यही सोचकर वह अपने घर से बाहर निकला। दौड़ते हुए उसने सामने से आते हुए श्रीकृष्ण को देखा। श्रीकृष्ण को देखते ही भय के कारण वह कालगत होकर धरती पर गिर पड़ा। श्रीकृष्ण ने उसे देखा और क्रोध में आकर चांडालों को आदेश दिया—'इसने मेरे सहोदर को अकाल में ही मौत के घाट उतारा है अत: इसके शरीर की दुर्दशा करो और उस स्थान को पानी से साफ करो। श्रीकृष्ण ने उसके परिवार का सर्वस्व हरण कर लिया और पुत्रों को भी अपने अधीन कर लिया।
९४. त्वक् विष से आयुष्य-भेद
चक्रवर्ती ब्रह्मदत्त मर गया तब उसके पुत्र ने ब्रह्मदत्त की स्त्रीरत्न से कहा—'मेरे साथ सहवास करो।' वह बोली—'तुम मेरे स्पर्श को सहन नहीं कर सकोगे।' उसे विश्वास नहीं हुआ। उसे विश्वास दिलाने हेतु एक अश्व लाया गया। स्त्रीरत्न ने उस अश्व का मुंह से लेकर कटि तक स्पर्श किया। वह अश्व पिघल कर शुक्र क्षय के कारण मृत्यु को प्राप्त हो गया। फिर भी पुत्र को विश्वास नहीं हुआ तब लोहमय पुरुष का निर्माण किया गया। स्त्रीरत्न ने उस लोहमय पुरुष का आलिंगन किया। वह तत्काल पिघलकर विलीन हो गया।
९५. आचार्य वज्र का इतिवृत्त
व्रजस्वामी पूर्वभव में वैश्रमण इन्द्र के सामानिक देव थे। भगवान् वर्द्धमान स्वामी पृष्ठचंपा नगरी के सुभूमिभाग उद्यान में समवसृत हुए। उस नगरी का राजा शाल तथा युवराज महाशाल था। उनकी भगिनी यशोमती के पति का नाम पिठर और पुत्र का नाम गागली था। शाल भगवान् के समवसरण में गया। धर्म सुनकर वह बोला—'भगवन्। मैं युवराज महाशाल का राज्याभिषेक कर आपके पास प्रत्रज्या ग्रहण करूंगा।' वह अपने राजप्रासाद में आकर महाशाल से बोला—'तुम राजा बन जाओ। मैं प्रव्रज्या ग्रहण करूंगा।' महाशाल ने कहा—'राजन्! जैसे आप यहां हमारे मेढ़ीभूत हैं, वैसे ही प्रव्रजित होने पर भी होंगे। मैं भी आपके साथ प्रव्रजित होना चाहता हूं।' तब कांपिल्यपुर से गागली को बुलाकर उसका राज्याभिषेक कर दिया गया। उसकी माता यशोमती कांपिल्यपुर में ही थी। उसके पिता पिठर भी वहीं थे। राजा बनते ही गागली ने उनको पृष्ठचंपा नगरी में बुला लिया। उसने दो दीक्षार्थियों के लिए हजार पुरुषों द्वारा उठाई जाने वाली दो शिविकाएं बनवाई। वे दोनों प्रव्रजित हो गए। भगिनी यशोमती भी श्रमणोपासिका बन गई। उन दोनों ने मुनि बनकर ग्यारह अंगों का अध्ययन कर लिया।
एक बार भगवान् राजगृह में समवसृत हुए। वहां से वे चंपा नगरी की ओर जाने लगे। तब शाल और महाशाल—दोनों मुनियों ने भगवान् से पूछा—'हम पृष्ठचंपा नगरी जाना चाहते हैं। वहां कोई सम्यक्त्व- लाभ कर सकता है अथवा कोई दीक्षित हो सकता है।' भगवान् ने जान लिया कि वहां कुछ लोग प्रतिबुद्ध होंगे। भगवान् ने उनके साथ गौतमस्वामी को भेजा। भगवान् चंपा नगरी में पधारे। गौतमस्वामी भी पृष्ठचंपा गए। समवसरण में गागली, पिठर और यशोमती ने दर्शन किए। उनमें परम वैराग्य का उदय हुआ। धर्म सुनकर गागली अपने पुत्र का राज्याभिषेक कर माता-पिता के साथ दीक्षित हो गया। गौतमस्वामी उनको साथ ले चंपा नगरी की ओर प्रस्थित हुए। उनको चंपा नगरी की ओर जाते देखकर शाल-महाशाल को बहुत हर्ष हुआ। उन्होंने आ मेनन 'संसार से इनका उद्धार हो गया। तदनन्तर शुभ अध्यवसाय में प्रवर्तमान उन दोनों को केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई।' इधर गौतमस्वामी के साथ जाते हुए तीनों ने सोचा—'शाल-महाशाल ने हमें राज्य दिया। फिर हमें धर्म में स्थापित कर संसार से मुक्त होने का अवसर दिया।' इस प्रकार के चिन्तन से शुभ अध्यवसायों में प्रवर्तन करते हुए तीनों को केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई। केवली अवस्था में वे चंपा नगरी पहुंचे। भगवान् को प्रदक्षिणा और तीर्थ को नमस्कार कर वे केवली-परिषद् की ओर गए। गौतमस्वामी भी भगवान् को प्रदक्षिणा दे उनके चरणों में वंदना करके उठे और तीनों से कहा—'कहां जा रहे हो? आओ, भगवान् को वंदना करो।' भगवान् बोले—'गौतम! केवलियों की आशातना मत करो।' तब गौतमस्वामी ने मुड़कर उनसे क्षमायाचना की। उनका संवेग बढ़ा। उन्होंने सोचा—'बस, मैं अकेला ही सिद्ध नहीं हो सकूंगा।'
'जो अष्टापद पर्वत पर चढ़कर धरणीगोचर चैत्यों की वंदना करेगा, वह उसी भव में सिद्ध हो जाएगा।' इस बात को देवता एक-दूसरे को कहते थे। यह बात सुनकर गौतमस्वामी ने सोचा—'अच्छा है, मैं भी अष्टापद पर्वत पर आरोहण करूं।' भगवान् ने गौतम के हृदयगत भावों को जान लिया और यह भी जान लिया कि वहां तापस प्रतिबुद्ध होंगे और इसका चित्त भी स्थिर हो जाएगा। वे बोले—'गौतम! तुम अष्टापद के चैत्यों की वंदना करने जाओ।' यह सुनकर गौतम बहुत प्रसन्न हुए और अष्टापद की ओर चल पड़े। अष्टापद पर्वत पर तीन तापस कौंडिन्य, दत्त और शैवाल अपने पांच सौ-पांच सौ शिष्य परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने जनश्रुति से गौतम की बात सुनी और सोचा—'हम भी अष्टापद पर्वत पर आरोहण करें।' कौंडिन्य तापस और उसके पांच सौ शिष्य उपवास करते और पारणे में सचित्त कंद-मूल खाते थे। उन्होंने अष्टापद पर चढ़ने का प्रयास किया। वे पर्वत की प्रथम मेखला तक ही चढ़ पाए।
दत्त तापस अपने शिष्य परिवार के साथ बेले-बेले की तपस्या करता था और पारणक में वृक्ष से नीचे गिरे सड़े, गले और पीले पत्तों को खाता था। उसने भी अष्टापद पर चढ़ने का प्रयत्न किया परन्तु वह दूसरी मेखला तक ही चढ़ पाया। शैवाल तापस अपने शिष्यों के साथ तेले-तले की तपस्या करता और पारणक में केवल म्लान शैवाल को ही खाता था। वह भी अष्टापद को तीसरी मेखला तक ही आरोहण कर पाया।
इधर भगवान् गौतमस्वामी पर्वत पर बढ़ रहे थे। उनका शरीर अग्नि, तडित् रेखा और दीप्त सूर्य की भाति तेजस्वी और सुंदर था। तापसों ने उन्हें आते देखकर व्यंग्य में कहा—'देखो! यह स्थूलशरीरी श्रमण अब अष्टापद पर्वत पर चढ़ेगा। हम महातपस्वी हैं, हमारा शरीर दुर्बल और शुष्क है। हम भी पर्वत पर नहीं चढ़ पाए तो भला यह कैसे चढ़ पाएगा?'
भगवान् गौतम जंघाचारणलब्धि से संपन्न थे। वे मकड़ी के जाल के तंतुओं के सहारे भी ऊपर चढ़ सकते थे। तापसों ने देखा, गौतम आए और देखते-देखते अदृश्य हो गए। वे पर्वत पर चढ़ गए। तीनों तापस उनकी प्रशंसा करने लगे और वहीं खड़े-खड़े आश्चर्यचकित होकर देखने लगे। उन्होंने सोचा, जब ये पर्वत से नीचे उतरेंगे, तब हम सब इनका शिष्यत्व स्वीकार कर लेंगे।
गौतमस्वामी वहां चैत्यों की वंदना कर उत्तर-पूर्व दिग्भाग में अशोकवृक्ष के नीचे पृथ्वीशिलापट्टक पर रात बिताने के लिए आए और वहां स्थित हो गए। शक्र का लोकपाल वैश्रमण भी अष्टापद के चैत्यों की वंदना करने आया। चैत्यों को वंदना कर वह गौतमस्वामी को वंदना करने पहुंचा। गौतमस्वामी ने धर्मकथा करते हुए उसे अनगार के गुण बतलाते हुए कहा—'मुनि अंत और प्रान्त आहार करने वाले होते हैं।' वैश्रमण ने सोचा—'ये भगवान् अनगारों के ऐसे गुण बता रहे हैं लेकिन इनके शरीर की जैसी सुकुमारता है, वैसी देवताओं में भी नहीं है।' गौतम ने वैश्रमण के मनोगत भाव जानकर पुंडरीक अध्ययन का प्ररूपण करते हुए बताया—'पुंडरीकिनी नगरी में पुंडरीक राजा राज्य करता था। उसके युवराज का नाम कंडरीक था। युवराज कंडरीक दुर्बलता के कारण आर्त्त, दु:खार्त्त था। वह मर कर सातवीं नरक में उत्पन्न हुआ। पुंडरीक शरीर से हृष्ट-पुष्ट और बलवान् था। वह मरकर सर्वार्थसिद्ध विमान में उत्पन्न हुआ। इसलिए देवानुप्रिय! दुर्बलत्व या सबलत्व गति में अकारण है। इनमें ध्याननिग्रह ही परम प्रमाण है।' तब वैश्रमण ने सोचा—'अहो! भगवान् गौतम ने मेरे हृदयगत भावों को जान लिया।' वह वैराग्य से भर गया और वंदना करके लौट गया। वैश्रमण देव के एक सामानिक देव का नाम जृंभक था। उसने उस पुंडरीक अध्ययन का पांच सौ बार पारायण किया। इससे उसे सम्यक्त्व की प्राप्ति हुई।
दूसरे दिन गौतम चैत्य-वंदन कर अष्टापद पर्वत से नीचे उतरे। वे तापस गौतम के पास आकर बोले—'आप हमारे आचार्य हैं, हम सब आपके शिष्य।' गौतम बोले—'मेरे और तुम्हारे आचार्य हैं—त्रिलोकगुरु भगवान् महावीर।' तापस बोले—'आपके भी कोई दूसरे आचार्य हैं?' तब गौतम ने भगवान् महावीर के गुणों की स्तुति की। गौतम ने उनको प्रव्रजित कर दिया। देवताओं ने उनके लिए साधु के वेश प्रस्तुत किए। सभी गौतम स्वामी के साथ चले। चलते-चलते भिक्षावेला हो गई। गौतम ने पूछा—'पारणक में क्या लाए?' तापस बोले—'पायस।' भगवान् गौतम भिक्षा लेने गए। वे सभी लब्धियों से परिपूर्ण थे। वे घृतमधुसंयुक्त पायस से पात्र भरकर लाए और अपनी अक्षीणमहानस लब्धि से एक पात्र पायस से सबको पारणा करा दिया। फिर स्वयं ने भी पारणा किया। सभी पूर्ण तृप्त हो गए। शैवाल खाने वाले पांच सौ तापसों को गौतम स्वामी की इस लब्धि को देखकर केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई। दत्त तापस और उसके शिष्यों को भगवान् महावीर के छत्रातिछत्र अतिशय देखकर केवलज्ञान उत्पन्न हो गया। भगवान् के साक्षात् दर्शन कर कौंडिन्य और उसके शिष्यों को भी केवलज्ञान प्राप्त हो गया। गौतम स्वामी आगे चल रहे थे। शेष सभी उनके पीछे चल रहे थे। सभी ने भगवान् को प्रदक्षिणा दी और जो केवली थे, वे केवली-परिषद् की ओर जाने लगे। गौतम स्वामी ने कहा—'आओ, पहले भगवान् को वंदना करो।' तब भगवान् महावीर बोले—गौतम! केवलियों की आशातना मत करो।' गौतम भगवान् की ओर मुड़े और मिच्छामि दुक्कडं किया। भगवान् गौतम को गहरी अधृति हो गई। भगवान् महावीर ने तब कहा—'देवता का वचन ग्राह्य है अथवा जिनेश्वर देव का?' गौतम बोले—'जिनेश्वर देव का।' भगवान् ने कहा—'तब तुम अधृति क्यों कर रहे हो?' भगवान् ने तब चार प्रकार के कटों की बात कही। चार प्रकार के कट होते हैं—शुंबकट, विदलकट, चर्मकट और कंबलकट। इसी प्रकार शिष्य भी चार प्रकार के होते हैं—शुंबकट के समान, विदलकट के समान, चर्मकट के समान तथा कंबलकट के समान। गौतम! तुम मेरे कंबलकट के सदृश शिष्य हो। तुम मेरे चिर-संसृष्ट और चिर-परिचित हो। अंत में हम दोनों समान हो जायेंगे। तब भगवान् ने गौतमस्वामी की निश्रा में द्रुमपत्रक अध्ययन को प्रज्ञापना की।
इधर वैश्रमण सामानिक देव वहां से च्युत होकर अवंती जनपद में तुंबवन सन्निवेश में धनगिरि नामक श्रेष्ठी के घर में पुत्र रूप में उत्पन्न हुआ। धनगिरि पव्रज्या ग्रहण करने को इच्छुक था। उसके माता-पिता निषेध करते थे। जहां-जहां माता-पिता उसके विवाह की बात करते, वहां-वहां वह उन कन्याओं को यह कह कर विपरिणत कर देता कि वह दीक्षा लेगा। उसी नगर में सेठ धनपाल की पुत्री सुनन्दा ने पिता से कहा—'मैं धनगिरि के साथ विवाह करूंगी।' पिता ने उसका विवाह कर दिया। उसका भाई आर्य समित आचार्य सिंहगिरि के पास पहले ही दीक्षित हो गया था। वैश्रमण का यह सामानिक देव देवलोक से च्युत होकर सुनन्दा के गर्भ में उत्पन्न हुआ। तब धनगिरि ने सुनन्दा से कहा—'इस गर्भ में उत्पन्न पुत्र के कारण तुम दो हो जाओगी, अकेली नहीं रहोगी।' यह कहकर धनगिरि सिंहगिरि आचार्य के पास दीक्षित हो गया।
गर्भ के नौ मास बीते। सुनन्दा ने बालक का प्रसव किया। वहां आने वाली महिलाएं कहने लगीं—'यदि इस बालक के पिता प्रव्रजित नहीं होते तो अच्छा होता।' बालक ने जब यह सुना कि उसका पिता प्रव्रजित हो गया है तो वह चिंतन की गहराई में उतरा। उसे जातिस्मृति ज्ञान की प्राप्ति हो गई। अब वह रात-दिन रोने लगा। उसने सोचा—'यदि निरंतर रोता रहूंगा तो परिवार के लोगों को मेरे से विरक्ति हो जाएगी, तब मुझे प्रव्रज्या लेने में सुविधा होगी।' इस प्रकार छह मास बीत गए।
एक बार आचार्य उस नगरी में आए। तब मुनि आर्यसमित और धनगिरि ने आचार्य से पूछा—'भंते! हम दोनों ज्ञातिजनों को दर्शन देने जाते हैं, आप आज्ञा प्रदान करें।' पक्षी की आवाज सुनकर आचार्य बोले—'आज महान् लाभ होगा। तुम्हें सचित्त या अचित्त—जो भी मिले, वह ले आना।' वे दोनों , गए। लोग उन्हें बुरा-भला कहकर पीड़ित करने लगे। बालक छह महीनों से रो रहा था। मां अत्यंत दु:खी थी। अन्य स्त्रियों ने सुनन्दा से कहा—'इस बालक को मुनियों के समक्ष रख दो।' सुनन्दा बोली—'महाराज! मैंने इतने दिनों तक इसकी अनुपालना की, अब आप इसकी संभाल करें।' मुनि बोले—'बाद में तुम्हें पश्चात्ताप न हो।' मुनियों ने दूसरे को साक्षी रखकर उस छह महीने के बालक को चोलपट्टे की झोली बनाकर उसमें ले लिया। बालक ने रोना बंद कर दिया। वे दोनों मुनि आचार्य के पास आए। भाजन भारी है, यह सोचकर आचार्य ने हाथ पसारे। उन्होंने झोली आचार्य के हाथ में दी। भार के कारण हाथ भूमि पर जा टिका। आचार्य बोले—'प्रतीत होता है कि इसमें वज्र है।' फिर देखा कि उसमें देवकुमारसदृश एक बालक है। बालक को देखकर आचार्य ने कहा—'इसका संरक्षण करो। यह भविष्य में जिन-प्रवचन का आधार होगा।' उसका नाम 'वज्र' रखा गया। आचार्य ने बालक साध्वियों को सौंप दिया। उन्होंने शय्यातर को दे दिया। शय्यातर जैसे अपने बालकों को स्नान कराता, मंडन करता, दूध पिलाता वैसे ही सबसे पहले बालक वज्र की सार-संभाल करता। जब बालक को शौच जाना होता तो बालक कुछ संकेत करता अथवा चिल्लाता। इस प्रकार वह बड़ा होने लगा। बालक को प्रासुक-प्रतिकार इष्ट था। साधु वहां से विहार कर अन्यत्र चले गए। सुनन्दा ने शय्यातर से अपना पुत्र मांगा। शय्यातर ने बालक को देने से यह कहकर इन्कार कर दिया कि वह अमुक द्वारा दिया गया है अत: यह हमारा निक्षेपक है, धरोहर है। सुनन्दा वहां आकर रोज उसे स्तनपान कराती। इस प्रकार वह बालक तीन वर्ष का हो गया।
एक बार मुनि विहार करते हुए वहां आए। राजकुल में बालक विषयक विवाद पहुंचा। शय्यातर ने राजा से कहा—'इन साध्वियों ने मुझे यह बालक सौंपा है।' सारा नगर सुनन्दा के पक्ष में था।' वह बहुत सारे खिलौने लेकर वहां उपस्थित हुई। राजा के समक्ष इस विवाद का निबटारा होना था। राजा पूर्वाभिमुख होकर बैठा। उसके दक्षिण दिशा में मुनि तथा वामपार्श्व में सुनन्दा और उसके पारिवारिक जन बैठ गए। राजा ने कहा—'ममत्व से प्रेरित होकर यह बालक जिस ओर जाएगा, वह उसी का होगा।' सभी ने इस बात को स्वीकार किया। पहले कौन बुलाए-इस प्रश्न पर राजा ने कहा—धर्म का आदि है पुरुष इसलिए पहले पुरुष बुलाए। तब नागरिकों ने कहा—'यह इनके परिचित है, इसलिए अच्छा हो कि पहले माता बुलाए क्योंकि मां दुष्करकारिका तथा कोमलांगी होती है।' मां आगे आई। उसके हाथ में अश्व, हाथी, रथ, वृषभ आदि खिलौने थे। वे मणि, सोना, रत्न आदि से जटित थे। वे सभी खिलौने बालक को लुभाने वाले थे। उन्हें दिखाती हुई मां सुनन्दा ने बालक की ओर देखकर कहा—'आओ, वज्रस्वामी!' यह सुनकर बालक उस ओर देखता रहा। उसने मन ही मन जान लिया कि यदि मैं संघ की अवमानना करता हूं तो दीर्घसंसारी बनूंगा। अन्यथा मां भी प्रव्रजित होगी। यह सोचकर मां के द्वारा तीन बार बुलाने पर भी बालक वज्र मां की ओर नहीं गया। तब मुनि बने हुए पिता ने कहा—'यदि तुमने प्रव्रज्या का मन बना लिया है तो वज्र! इस ऊपर उठाए हुए धर्मध्वज रजोहरण को आकर ले लो। यह कर्मरूपी रजों का अपहरण करने वाला है।' बालक वज्र तत्काल आगे आया और शीघ्रता से उसने रजोहरण को ग्रहण कर लिया। लोगों ने 'धर्म की जय हो' कहकर जोर से जयनाद किया। तब माता सुनन्दा ने सोचा—'मेरा भाई, पति और पुत्र तीनों—प्रव्रजित हो गए। मैं अकेली घर में क्यों रहूं?' यह सोचकर वह भी प्रव्रजित हो गई।
बालक वज्र ने जब स्तनपान करना छोड़ दिया, तब साध्वियों ने उसे प्रव्रज्या दे दी। वह साध्वियों के पास ही रहने लगा। ग्यारह अंग का पाठ करती हुई साध्वियों से उसने ग्यारह अंग सुने। सुनने मात्र से वह उनका ज्ञाता हो गया।
मुनि वज्र पदानुसारी लब्धि से संपन्न थे। जब बालक मुनि वज्र आठ वर्ष के हुए तब साध्वियों के स्थान से वे आचार्य के पास आकर रहने लगे। आचार्य उज्जयिनी गए। वहां उस समय एकधार वर्षा बरस रही थी। उस समय आर्य वज्र के पूर्व मित्र जृंभक देव ने उस ओर जाते हुए वज्र को देखा। वे वज्र की परीक्षा करने के लिए वणिक् का रूप बनाकर आए और बैलों से समान उतार कर रसोई बनाने लगे। जब रसोई बन गई तब उन्होंने आर्य वज्र को भिक्षा के लिए निमंत्रित किया। वे भिक्षा के लिए निकले परन्तु पानी के फुहारें गिर रही थीं अत: वे लौट गए। फुहारें रुकी। वणिक् बंधुओं ने भिक्षा के लिए पुन: कहा। वज्र जब भिक्षा हेतु वहां गए तो उन्होंने द्रव्य, क्षेत्र काल और भाव से भिक्षा के लिए उपयोग लगाया। उन्हें प्रतीत हुआ कि द्रव्यत: पुष्प-फल आदि, क्षेत्रत: उज्जयिनी, कालत: प्रथम वर्षाकाल और भावत: वे वणिक् धरणिस्पर्श रहित खड़े थे तथा उनके नयन निमेष से रहित थे। आर्य वज्र ने जान लिया ये मनुष्य नही, देव हैं। उन्होंने उनसे भिक्षा लेने का निषेध कर दिया। देवता तुष्ट होकर बोले—'हम तो तुमको देखने आए थे।' देवताओं ने तुष्ट होकर आर्य वज्र को वैक्रिय विद्या दी।
एक बार आर्य वज्र जेठ के महीने में संज्ञाभूमि में गए। वहां भी देवों ने गृहस्थ का रूप बनाकर घेवर लेने के लिए उन्हें निमंत्रित किया। वहां भी आर्य वज्र ने द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव में उपयुक्त होकर यथार्थ जान लिया और भिक्षा लेने से इन्कार कर दिया। देवों ने तब प्रसन्न होकर उन्हें आकाशगामिनी विद्या दी। इस प्रकार आर्य वज्र विचरण करने लगे। उन्होंने पदानुसारी लब्धि से जैसे-तैसे जो ग्यारह अंगों का ज्ञान प्राप्त किया था, वह ज्ञान मुनियों के मध्य स्थिर हो गया। वहां जो मुनि पूर्वगत पढ़ रहे थे, वह ज्ञान भी आर्य वज्र ने कर लिया। इस प्रकार उन्होंने बहुत ज्ञान प्राप्त कर लिया। जो ज्ञान गृहीत था, उसे वे बार-बार प्रत्यावर्तन करते और नया सुनते रहते।
एक बार मुनि भिक्षा के लिए चले गए। मध्याह्न का समय था। आचार्य संज्ञाभूमि के लिए गए। आर्य वज्र मूल उपाश्रय में ही रहे। उन्होंने अन्यान्य साधुओं के कंबलों की मंडली बनाकर सामने रख दी और स्वयं मध्य में बैठकर वाचना देने लगे। वाचना की परिपाटी में ग्यारह अंगों तथा पूर्वगत की वाचना देने लगे। आचार्य संज्ञाभूमि से लौटे। भीतर से आने वाली गुनगुनाहट को सुनकर आचार्य ने सोचा—'भिक्षा के लिए निर्गत मुनि शीघ्र ही लौट आए हैं।' भीतर से आने वाले शब्दों को सुनते हुए आचार्य बाहर ही ठहर गए। शब्द ऐसे गंभीर थे मानो मेघ मंद-मंद गर्जन कर रहे हों। आचार्य ने आर्य वज्र की आवाज को पहचान लिंया। तब उन्होंने बाढस्वर से 'निस्सिही, निस्सिही' शब्द करते हुए भीतर को ओर प्रवेश किया। शब्द सुनते ही आर्य वज्र आसन से उठे। आचार्य को शंका न हो इसलिए शीघ्रता से उन कंबलों को उठाकर यथास्थान रख दिया। आगे आकर उन्होंने आचार्य के हाथ में स्थित दंड को ग्रहण कर उनके पैरों की प्रमार्जना की। आचार्य ने सोचा—'अन्यान्य मुनि आर्य वज्र का पराभव न करें, इसलिए मैं इनको ज्ञापित कर दूं।' रात्रि में आचार्य ने कहा—'मैं अमुक गांव जा रहा हूं। वहां दो-तीन दिन रहूंगा।' तब योगप्रतिपन्न मुनियों ने पूछा—'हमारे वाचनाचार्य कौन होंगे?' आचार्य ने कहा—'वज्र वाचनाचार्य होगा।' मुनियों ने विनीत भाव से तहत् कहकर इसे स्वीकार कर लिया और सोचा आचार्य ही हमारे प्रमाण हैं।
आचार्य विहार कर गए। प्रात:काल मुनियों ने वसति की प्रतिलेखना की और वसति का काल-निवेदन आदि भी आर्यवज्र के समक्ष किया। मुनियों ने उनके लिए निषद्या की रचना की। आर्य वज्र उस निषद्या पर आकर बैठ गए। वे सभी मुनि आचार्य की भांति उनके प्रति विनय करने लगे। तब आर्य वज्र अनुक्रम से सभी मुनियों को व्यक्त शब्दों से आलापक देने लगे। जो मुनि मंदबुद्धि थे, वे भी उन प्रदत्त आलापकों को शीघ्र प्रस्थापित करने लगे। वे सब विस्मित हो गए। जो पूर्वपठित आलापक ज्ञात था, उसे भी सम्यग् विन्यास के लिए उन्होंने आर्यवज्र से पूछा। आर्यवज्र ने पूरा आलापक अच्छी तरह से समझाया। तब वे मुनि संतुष्ट होकर आपस में बोले—'ये बालक होकर भी प्रौढ हैं। यदि आचार्यवर कुछ दिन और उसी गांव में रहें तो हमारा यह श्रुतस्कंध शीघ्र समाप्त हो जाएगा। आचार्य के पास जिस श्रुतस्कंध को चिर परिपाटी से हम ग्रहण करते थे, उसे आर्यवज्र ने एक पौरुषी में संपन्न कर दिया। इस प्रकार आचार्य वज्र सभी मुनियों के लिए बहुमान्य हो गए। आचार्य ने मुनियों से पूछा—'स्वाध्याय कर लिया? इसने वाचना कैसी दी?' मुनि बोले—'हां, अब आर्य वज्र ही हमारे वाचनाचार्य हों। अवशेष ज्ञान भी हम आर्यवज्र से करना चाहते हैं।' आचार्य ने कहा—'अब यही तुम्हारे वाचनाचार्य होंगे। इनका कहीं तुम पराभव न कर दो, इसलिए बहाना बनाकर मैं दूसरे गांव गया था।' आर्यवज्र अभी कल्पिक नहीं हुए हैं। इन्होंने सारा ज्ञान कानों से सुनकर ग्रहण किया है इसलिए इसका उत्सारकल्प करना चाहिए। आचार्य ने शीघ्र ही उनका उत्सारकल्प करवा दिया। दूसरे प्रहर में अर्थ की वाचना दी। अब यह उभयकल्प योग्य है। जो अर्थ आचार्य के लिए शंकित थे, उन अर्थों को भी आर्यवज्र ने स्पष्ट किया। आचार्य जितना दृष्टिवाद जानते थे, आर्यवज्र ने उतना ग्रहण कर लिया।
वे विहार करते हुए दशपुर नगर में गए। उज्जयिनी में भद्रगुप्त नाम के आचार्य स्थविरकल्प में स्थित थे। वे दृष्टिवाद के ज्ञाता थे। आचार्य ने आर्यवज्र के साथ दो मुनियों को भेजा। वे आचार्य भद्रगुप्त के पास दृष्टिवाद का ज्ञान लेने के लिए गए। उस दिन आचार्य भद्रगुप्त ने एक स्वप्न देखा कि मेरा पात्र दूध से भरा हुआ है। एक आगंतुक आया और सारा दूध पीकर आश्वस्त हो गया। प्रात: आचार्य ने साधुओं को स्वप्न की बात बताई। उन्होंने इसका अर्थ भिन्न-भिन्न प्रकार से लगाया। गुरु बोले—'तुम नहीं जानते! आज एक प्रतीच्छक (अन्य गच्छ का शिष्य) आयेगा। वह सारा सूत्र और अर्थ ग्रहण करेगा।' स्थविर आचार्य भद्रगुप्त प्रतिश्रय के बाहर आकर बैठ गए। उन्होंने आर्य वज्र को आते देखा। आर्यवज्र के विषय में उन्होंने पहले से सुन रखा था। वे उसे देखकर बहुत प्रसन्न हुए। आते ही उन्होंने उसे बांहों में भर लिया। आर्य वज्र ने आचार्य के पास दस पूर्व पढ़ लिए। उन्होंने आचार्य से वाचना के लिए अनुज्ञा ली। आचार्य ने कहा—'जहां उद्दिष्ट किया है, वहीं अनुज्ञा लो।' तब वे मुनियों के साथ दशपुर नगर लौट आए। वहां उन्होंने अनुज्ञा प्रारंभ की। जृंभक देव अनुज्ञा को उपस्थापना करते हुए दिव्य पुष्प और चूर्ण वहां ले आए।
आचार्य सिंहगिरि ने गण का दायित्व वज्र स्वामी को देकर, स्वयं भक्तप्रत्याख्यान अनशन स्वीकार कर लिया और दिवंगत हो गए। आचार्य वज्र पांच सौ शिष्यों के साथ विहरण करने लगे। वे जहां भी जाते, उनका यशोगान होता। लोग कहते—'अहो! भगवान् आ गए। भगवान् आ गए।' वे भंव्यजनों को प्रतिबोध देते हुए विहरण करने लगे।
पाटलिपुत्र नगर में धन नामक सेठ रहता था। उसकी पुत्री अत्यंत रूपवती थी। एक बार उसकी यानशाला में साध्वियां ठहरीं। वे परस्पर आर्य वज्र की गुणगाथाएं कहने लगीं। स्वभावत: लोग कामितकामुक होते हैं अत: श्रेष्ठीपुत्री ने सोचा—'यदि आर्य वज्र मेरे पति हो जाएं तो मैं भोग भोगुंगी, अन्यथा भोगों से मुझे क्या?' उसकी मंगनी के लिए अनेक युवक आते परन्तु वह प्रतिषेध करती रही। साध्वियों ने उसको कहा कि आर्य वज्र तो प्रव्रजित हैं, वे विवाह नहीं करेंगे। वह बोली—'यदि वे विवाह नहीं करेंगे तो मैं भी प्रव्रजित हो जाऊंगी।' आर्य वज्र विहरण करते हुए पाटलिपुत्र में आए। वहां का राजा अपने परिवार के साथ तत्परता से गुरुवंदन के लिए अपने आवास से निकला। साधुओं के समूह एक-एक कर आने लगे। एक साधु को सुंदरता को देखकर राजा ने पूछा—'क्या ये भगवान् वज्रस्वामी हैं?' लोग बोले—'नहीं, यह तो उनका शिष्य है।' अन्तिम समूह आया। कुछ साधुओं के साथ वज्रस्वामी को देखा। लोगों ने कहा कि ये आचार्य हैं। आचार्य इतने सुंदर नहीं थे।
राजा ने उनको वंदना की। आचार्य वज्र उद्यान में ठहरे और प्रवचन किया। वे क्षीरास्रवलब्धि से संपन्न थे। राजा का मन उन्होंने जीत लिया। राजा ने अन्त:पुर में आचार्य के विषय में कहा तो सभी रानियां बोलीं—'हम भी चलेंगी प्रवचन सुनने।' पूरा अन्त:पुर दर्शनार्थ गया। उस श्रेष्ठीपुत्री ने लोगों से सब बात सुनी तो वह सोचने लगी—'मैं भगवान् वज्र को कैसे देख पाऊंगी?' दूसरे दिन उसने अपने पिता से कहा—'आप मुझे वज्रस्वामी को दे देवें, अन्यथा मैं मर जाऊंगी?' पिता उसे सर्वालंकार से भूषित कर, अनेक धनकोटियों को साथ ले घर से निकला। आचार्य ने धर्म का प्रवचन किया। क्षीयास्रवलब्धिसंपन्न आचार्य वज्र का प्रवचन सुनकर लोग कहने लगे—अहो! भगवान् का स्वर बहुत मधुर है, ये सर्वगुणसंपन्न हैं। यदि रूप-संपन्नता होती तो सर्वगुणसंपन्न हीते।'
आर्य वज्र लोगों के मानसिक भाव जान लिए। उन्होंने लक्षपत्रवाले कमल की विकुर्वणा की और उस पर बैठ गए। उन्होंने अपना बहुत सौम्य रूप बनाया। अब वे परम देव के सदृश दिखने लगे। लोगों ने लौटकर देखा और कहा—'यह उनका स्वाभाविक रूप है। मैं किसी के लिए प्रार्थनीय न बनूं इसलिए ये विरूप रूप बनाकर रहते हैं। ये अतिशयशाली हैं।' राजा ने भी देखकर कहा—'अहो! भगवान् की ऐसी शक्ति भी है।' आर्यवज्र ने अनगारगुणों का वर्णन करते हुए कहा—'अनगार असंख्येय द्वीप-समुद्रों को विकुर्वणा कर आकीर्ण-विप्रकीर्ण करने में समर्थ होता है।' भगवान् ने उसी रूप में धर्म-प्रवचन किया। सेठ ने उन्हें निमंत्रण दिया। आर्यवज्र ने इन्द्रियों के विषय-सेवन की निन्दा की और श्रेष्ठीपुत्री से कहा—'यदि तुम मुझे चाहती हो तो प्रव्रजित हो जाओ।' वह प्रव्रजित हो गई।
आर्यवज्र ने पदानुसारी विद्या के आधार पर विस्मृत महापरिज्ञा अध्ययन (आचारांग, प्रथमश्रुतस्कंध का सातवां अध्ययन) से आकाशगामिनी विद्या का उद्धार किया। वे आकाश में गमनागमन करने में समर्थ हो गए। इस विद्या से जंबूद्वीप में जाया जा सकता है और मानुषोत्तर पर्वत पर ठहरा जा सकता है। उन्होंने कहा—'मैं इस विद्या का उपयोग प्रवचन के उपकार के लिए करूंगा। अब मनुष्य अल्पऋद्धि वाले होंगे अत: मैं उनको यह विद्या नहीं दूंगा।'
अनेक विद्याओं के धारक आचार्य वज्र विहार करते हुए पूर्वदेश से उत्तरापथ की ओर गए। वहां दुर्भिक्ष की स्थिति आ गई। सारे मार्ग व्युच्छिन्न हो गए। सम्पूर्ण संघ एकत्रित होकर आचार्य वज्र के पास आकर बोला—'भंते! हमारा निस्तार करें।' आचार्य पटविद्या के जानकर थे। उन्होंने एक पट (वस्त्र) पर संघ को बिठाया और वह पट आकाश में उड़ने लगा। उस समय शय्यातर चारा लाने के लिए कहीं गया हुआ था। उसने संघ को आकाश-मार्ग से जाते देखा। तत्काल अपने हासिये से चोटी को काटकर वह बोला—'भगवन्! मैं भी आपका साधर्मिक हूं।' तब वह भी इस सूत्र को पढ़ते हुए उसके साथ लग गया—
साहम्मियवच्छल्लम्मि, उज्जुया उज्जया य सज्झाए।
चरणकरणम्मि य तहा, तित्थस्स पभावणाए य।।
आचार्य वज्र अपने संघ के साथ पुरिका नगरी में आए। वहां सुभिक्ष और श्रावकों का बाहुल्य था। वहां का राजा बौद्ध धर्म का उपासक था। वहां जैन श्रावकों तथा बौद्ध श्रावकों में माल्यारोहण—मूर्तियों पर फूल चढ़ाने में कोई विवाद चल रहा था। सर्वत्र उपासक पराजित होते थे। तब वहां बौद्ध राजा ने पर्युषणपर्व पर पुष्पों का निवारण कर दिया। श्रावक खिन्न हो गए कि अब पुष्प कहां से लायेंगे? सबालवृद्ध सभी नागरिक वज्रस्वामी के पास पहुंचे और बोले—'गुरुदेव! अब आप जानें। आपके नाथ तीर्थंकरों के प्रवचन मलिन हो रहे हैं।' बहुत बार प्रार्थना करने पर आचार्य वज्र आकाश मार्ग से माहेश्वरी नगरी में गए। वहां 'हुताशन' व्यंतर का आयतन था। वहां एक कुंभ जितने पुष्प प्रतिदिन प्राप्त होते थे। वहां आचार्य के पिता का मित्र आरामिक था। उसने आचार्य को देखकर संश्रान्त होकर पूछा—'आपका यहां आने का प्रयोजन क्या है?' आचार्य ने कहा—'पुष्पों को ले जाना ही एक मात्र प्रयोजन है।' आरामिक बोला—'आपने बड़ा अनुग्रह किया। मैं बाहर जाकर आ रहा हूं। आपको जितने फूल चाहिए, उतने ले लेवें।'
आर्यवज्र फिर चुल्लहिमवंत पर्वत पर श्री के पास गए। श्री ने चैत्यपूजा के लिए पद्म उखाड़ा। वंदना कर श्री ने आर्य वज्र को निमंत्रित किया। उसे लेकर वे अग्निगृह में आए। वहां उन्होंने एक विमान की विकुर्वणा की और उसमें कुंभ प्रमाण पुष्पों को रखकर जृंभक देवों से परिवृत होकर दिव्य गीतों के साथ आकाशमार्ग से आए। उस कमल के वृन्त पर वज्रस्वामी स्थित थे। तब बौद्ध उपासकों ने कहा—'यह हमारा प्रातिहार्य है, चमत्कार है।' वे सभी अर्घ्य लेकर आए। बौद्ध विहार को लांघकर वज्रस्वामी अर्हत् मंदिर में गए। देवताओं ने वहां महिमा की। वहां उन्होंने लोगों का बहुमान प्राप्त किया। राजा भी आया और वह श्रमणोपासक हो गया। वहां से विहार कर आर्यवज्र आभीर देश में गए।
९६. आर्य वज्र का भक्तप्रत्याख्यान
वज्रस्वामी वहां से विहार कर दक्षिणापथ में चले गए। वहां उनके कफाधिक्य का रोग हो गया। एक दिन उन्होंने साधुओं से कहा—'मेरे लिए सूंठ ले आओ।' साधु सूंठ का गांठिया लेकर आए। उस समय उन्होने सूंठ के गांठिए को यह सोचकर कान पर रख दिया कि भोजन के समय इसका उपयोग करूंगा। वे भूल गए। सायंकालीन प्रतिक्रमण के समय मुंहपत्ती से संघटित होकर वह गांठिया नीचे गिरा। उन्होंने उपयोग लगाया और सोचा, 'अहो! मेरे से प्रमाद हो गया। प्रमत्त के संयम नहीं होता। अच्छा है अब मैं भक्तप्रत्याख्यान कर अनशन कर लूं।' उन्होने ज्ञान से देखा। उस समय बारह वर्ष का दुर्भिक्ष था। चारों ओर मार्ग छिन्न हो चुके थे। तब वज्रस्वामी विद्याबल से आहृतपिंड लाकर साधुओं को देने लगे। उन्होंने साधुओं से कहा—'बारह वर्षों तक ऐसे ही खाना होगा। भिक्षा प्राप्त नहीं होगी।' यदि संयम गुणों का उत्सर्पण होता हो तो ऐसा भोजन करें। यदि ऐसा न होता हो तो भक्तप्रत्याख्यान कर लें। तब साधुओं ने कहा—'ऐसे विद्याबल से आनीत पिंड से हमारा क्या प्रयोजन? हम भक्तप्रत्याख्यान करेंगे।' आचार्य वज्र को सुभिक्ष का पहले ही पता लग गया था। उन्होंने अपने वज्रसेन नामक शिष्य को यह कहकर भेजा कि जब तुम्हे लाख मूल्य से निष्पन्न भिक्षा मिले तो जान लेना कि दुर्भिक्ष नष्ट हो गया है। उसके बाद आर्यवज्र श्रमणों से परिवृत होकर एक पर्वत के पास यह सोचकर गए कि वहां भक्तप्रत्याख्यान करना है। एक क्षुल्लक मुनि को साधुओं ने कहा—'तुम अन्यत्र चले जाओ।' वह जाना नहीं चाहता था। तब मुनियों ने उसे एक गांव में ले जाकर विमोहित कर दिया और पर्वत पर भक्तप्रत्याख्यान के लिए तत्पर हो गए। क्षुल्लक मुनि भी उन साधुओं के पदचिह्नित मार्ग से उसी पर्वत तक पहुंच गया। साधुओं को मेरी ओर से असमाधि न हो इसलिए वह उसी पर्वत की तलहटी पर पादपोपगमन अनशन में स्थित हो गया। जैसे ताप से नवनीत पिघल जाता है, वैसे ही वह क्षुल्लक मुनि भी शीघ्र ही कालगत हो गया। देवताओं ने महिमा की। तब आचार्य वज्र ने कहा—'क्षुल्लक मुनि ने अपना प्रयोजन सिद्ध कर लिया है।' साधुओं ने जब यह सुना तो उनके मन में द्विगुणित श्रद्धा—संवेग उदित हुआ। उन्होंने कहा—'उस मुनि ने बालक होते हुए भी अपना प्रयोजन सिद्ध कर लिया तो क्या हम उससे सुंदरतर नहीं कर सकेंगे?' वहां एक देवता प्रत्यनीक था। उसने श्राविका का रूप बनाया और साधुओं को भक्तपान ग्रहण करने के लिए निमंत्रण दिया। उसने कहा—'आज मेरे पारणक का दिन है अत: आप भिक्षा की कृपा करें।' तब आचार्य ने जान लिया कि यह भक्तपान अकल्पनीय है। वहीं निकट में एक दूसरा पर्वत था। मुनि वहां गए। वहां देवता के आह्वान हेतु कायोत्सर्ग किया। देवता ने प्रगट होकर कहा—'अहो! मेरे पर आपने अनुग्रह किया है। आप यहां ठहरें।' वहां वे मुनि कालगत हो गए। इन्द्र वहां रथ में आया और प्रदक्षिणा देते हुए वंदना की। उसने तरुवर और तृणों को अवनत कर दिया। आज भी वे वहां उसी अवस्था में हैं। तब से उस पर्वत का नाम रथावर्त हो गया। आर्यवज्र के दिवंगत होने पर अर्द्धनाराचसंहनन तथा दसवां पूर्व व्युच्छिन्न हो गया।
आर्यव्रज ने जिस वज्रसेन शिष्य को कार्य हेतु भेजा था, वह घूमता हुआ सोपारक गांव में आया। वहां एक धनाढ्य और तत्त्वज्ञानी श्राविका रहती थी। उसने सोचा—दुर्भिक्ष है अत: कैसे जीवित रहेंगे? कोई आधार नहीं है। इसलिए उसने लक्ष मूल्य वाला भक्तपान निष्पन्न किया और सोचा—यहां हम सदा ऊर्जित जीवन जीते रहे हैं। अब हम यहां इस ऊर्जित देह का पोषण नहीं कर सकते। अब कोई आधार नहीं है अत: इस लक्षमूल्य से निष्पन्न भक्त में विष मिलाकर खा लें और 'नमोक्कार' का जाप करते हुए मृत्यु का वरण कर लें। वे सब यह करने के लिए तत्पर हो गए। वे उस भोजन में विष मिलाने ही वाले थे कि वज्रसेन मुनि घूमता हुआ वहां आ पहुंचा। गृहस्वामिनी ने बहुत होकर उसे परमान्न की भिक्षा दी। मुनि ने उसे यथार्थ तथ्य बताते हुए कहा—'तुम अनशन मत करो। मुझे वज्रस्वामी ने कहा है कि जब तुम्हें लक्षमूल्य वाली भिक्षा मिलेगी उसके दूसरे दिन सुभिक्ष हो जाएगा। तब तुम प्रव्रज्या ग्रहण कर लेना।' गृहस्वामिनी ने साधु को वहीं रहने के लिए कहा।
इधर उसी दिन प्रवहणों से तन्दुल आ गए। तब सबके लिए जीने का आधार हो गया। वह मुनि वहां रहा। सुभिक्ष हो गया। वे सभी श्रावक उसके पास प्रव्रजित हो गए। वह मुनि वज्रस्वामी के पद पर आ गया और वज्रस्वामी का शिष्यवंश अवस्थित हो गया।
९७. दशपुर नगर की उत्पत्ति
चंपानगरी में कुमारनंदी नामक स्वर्णकार रहता था। वह बहुत स्त्री-लोलुप था। वह जहां-जहां सुरूप कुमारियों को देखता या सुनता तो वह पांच सौ स्वर्ण-मुद्राएं देकर उनके साथ विवाह कर लेता। इस प्रकार उसने पांच सौ ललनाओं के साथ विवाह कर लिया। वह ईर्ष्यालु था। उसने एक स्तंभ वाला विशाल प्रासाद बनवाया और उन सबको वहीं रखा। उनके साथ वह क्रीड़ा करता। नाइल नामक श्रमणोपासक उसका मित्र था। एक बार पंचशैलद्वीप में रहने वाली दो व्यंतर देवियां सुरपति के आदेश से नंदीश्वर द्वीप की यात्रा के लिए प्रस्थित हुईं। उनका पति विद्युन्माली देव, जो पंचशैलद्वीप का अधिपति था, वह वहां से च्युत हो गया। तब दोनों व्यन्तर देवियों ने सोचा कि जो हमारा पति बनने योग्य हो, उसका हम अपहरण कर ले आएं। वे यात्रा पर जा रहीं थीं। जाते-जाते उन्होंने चंपा नगरी में कुमारनंदी को पांच सौ ललनाओं के साथ क्रीड़ा करते देखा। उन्होंने सोचा—'यह स्त्रीलोलुप है, इसका हम अपहरण करें।' जब कुमारनंदी उद्यान में गया तब दोनों देवियां उसके सम्मुख उपस्थित हुई। उसने पूछा—'तुम कौन हो?' उन्होंने कहा—'हम देवियां हैं।' उनके रूप पर मूर्च्छित होकर वह उनसे कामभोगों की प्रार्थना करने लगा। देवियां बोली—'यदि हमारे से कार्य है तो तुम पंचशैल द्वीप में आओ'—यह कहकर दोनों देवियां आकाशमार्ग से चली गईं। कुमारनंदी उनके प्रति अत्यंत आसक्त हो गया। उसने राजकुल में स्वर्ण देकर यह पटह घोषित किया कि कुमारनंदी को जो पंचशैल द्वीप में ले जाएगा उसे वह करोड़ रुपए धन देगा। एक स्थविर नाविक ने पटह को झेला और उसने एक विशेष नौका का निर्माण किया। उसमें आवश्यक भोजन सामग्री रखी। कुमारनंदी ने मूल्य स्थविर नाविक को दे दिया। धन पुत्रों को सौंप वह नाविक यानपात्र से कुमारनंदी के साथ प्रस्थित हो गया। वे समुद्र में दूर तक चले गए। आगे जाकर स्थविर ने पूछा—'भद्र! कुछ देख रहे हो क्या?' उसने कहा—'हां, कुछ काला-काला-सा दृष्टिगोचर हो रहा है।' यानपात्रवाहक स्थविर बोला—'यह पर्वत के मूल में उत्पन्न समुद्रकूल पर स्थित वटवृक्ष है।' यह नौका इस वटवृक्ष के नीचे से जाएगी। उस समय तुम जागरूक रहकर उस वक्ष की शाखा को पकड़ लेना। वहां पंचशैल से भारंड पक्षी आयेंगे। वे दो होंगे। उनके तीन-तीन पैर होंगे। जब वे सो जाएं तब मध्य पैर को पकड़ लेना और स्वयं को एक कपड़े से बांध लेना। वे तुमको पंचशैल में ले जाएंगे। यदि तुम उस वृक्ष की शाखा को नहीं पकड़ोगे तो यह यानपात्र वलयमुख में प्रविष्ट होकर नष्ट हो जाएगा।
यानपात्र वटवृक्ष के नीचे पहुंचा। कुमारनंदी ने तत्काल वटवृक्ष की शाखा पकड़ ली। भारंड पक्षियों ने उसे पंचशैल द्वीप पहुंचा दिया। व्यन्तरियों ने उसे देखा, अपनी ऋद्धि दिखाई। कुमारनंदी उनमें गृद्ध हो गया। उन्होंने कहा—'भद्र! तुम इस शरीर से हमारा उपभोग नहीं कर पाओगे। अग्नि आदि में प्रवेश करो और संकल्प करो कि मैं पंचशैल द्वीप का अधिपति बनूंगा।' कुमारनंदी बोला—'अब घर कैसे जाऊं?' व्यन्तरियों ने उसे करतलपुट पर बिठाकर चंपा नगरी के उद्यान में लाकर छोड़ दिया। लोगों के पूछने पर पंचशैल द्वीप में जो देखा, सुना या अनुभव किया, वह सारा बताने लगा। मित्र के द्वारा निषेध करने पर भी इंगिनीमरण अनशनपूर्वक उसने प्राण त्याग दिए। मरकर वह पंत्रशैल का अधिपति बना। उसके मित्र श्रावक को विरक्ति हुई कि यह भोगों के लिए कितना कष्ट पाता है। मैं जानता हुआ घर में क्यों रहूं? यह सोचकर वह प्रव्रजित हो गया। मरकर वह अच्युत कल्प में देव बना। अवधिज्ञान से उसने कुमारनंदी को देखा।
एक बार नंदीश्वर द्वीप की यात्रा में गले में पटह डालकर, उसे बजाता हुआ वह नंदीश्वर द्वीप गया। श्रावक देव ने उसे देखा। वह उसका तेज सहन न करता हुआ पलायन करने लगा। श्रावक ने अपने दिव्य तेज का संहरण कर कहा—'क्या तुम मुझे पहचानते हो?' वह बोला—'शक्र आदि इंद्रों को कौन नहीं जानता?' तब उस देव ने अपना श्रावकरूप बनाया और सारा वृत्तान्त सुनाया। संवेग को प्रात कुमारनंदी बोला—'बताओ अब मैं क्या करूं?' उसने कहा 'वर्द्धमान स्वामी की प्रतिमा का निर्माण करो, इससे तुम्हें सम्यक्त्व बीज को प्राप्ति होगी।' तब उसने महाहिमवान् पर्वत से गोशीर्षचंदन का एक वृक्ष छेदा और प्रतिमा बनाकर उसे एक काष्ठ के संपुट में डालकर भरत क्षेत्र में आया। उसने उत्पात के कारण छह महीनों से घूमते हुए समुद्र के बीच एक प्रवहण को देखा। देव ने उत्पात को शांत किया और अपनी काष्ठ पेटिका देते हुए कहा—'इससे देवाधिदेव की प्रतिमा बनवानी है।' प्रवहण वीतभय नगर में पहुंचा। काष्ठ संपुट वहां उतारा गया। वहां का राजा उदयन तापसभक्त था। उसकी रानी का नाम प्रभावती था। व्यापारियों ने राजा से कहा—'इस काष्ट से देवाधिदेव की प्रतिमा करानी है।' राजा की आज्ञा से बढ़ई इंद्र आदि की प्रतिमा बनाने लगे लेकिन काष्ठ पर परशु नहीं चला। प्रभावती ने जब यह सुना तो उसने कहा—'देवाधिदेव वर्द्धमानस्वामी हैं, उनकी प्रतिमा बनवाओ।' वैसा ही प्रयत्न करने पर चंदनकाष्ठ से पूर्व निर्मित प्रतिमा स्पष्ट हो गई। रानी ने अंत:पुर में चैत्यगृह बनवाकर उसमें मूर्ति की स्थापना कर दी। प्रभावती स्नान आदि करके तीनों सन्ध्याओं में मूर्तिं की अर्चना करने लगी।
एक बार रानी प्रभावती मूर्ति के समक्ष नृत्य कर रही थी। राजा वीणा-वादन कर रहा था। उसे नृत्य करती हुई रानी का सिर दिखाई नहीं दिया। वह धैर्य खो बैठा और उसके हाथ से वीणा छूटकर नीचे गिर पड़ी। देवी ने रुष्ट होकर कहा—'क्या मैंने नृत्य ठीक नहीं किया?' बहुत पूछने पर राजा ने यथार्थ बात बताई। उसने कहा—'मरने की मुझे क्या चिंता?' चिरकाल तक मैंने श्रावकत्व का पालन किया है। एक बार रानी ने स्नान करके दासी से कहा—'कपड़े लेकर आओ।' दासी लाल रंग के कपड़े ले आई। रानी ने रुष्ट होकर उसे दर्पण से आहत करते हुए कहा—'मैं मंदिर में जा रही हूं और तुमने लालवस्त्र लाकर दिए हैं।' दासी दर्पण की चोट से मर गई। रानी ने सोचा—'मैंने पहला व्रत खंडित कर डाला। अब जीने से क्या प्रयोजन?' उसने राजा से पूछा—'मैं भक्तप्रत्याख्यान करना चाहती हूं।' राजा ने कहा—'यदि देव बनकर तुम मुझे प्रतिबुद्ध करो तो मेरी आज्ञा है। रानी ने स्वीकार कर लिया। भक्तप्रत्याख्यान द्वारा मृत्यु को प्राप्त कर वह प्रभावती देव बनी। इधर देवदत्ता नामक कुब्जा दासी जिन प्रतिमा की पूजा-अर्चना करने लगी। प्रभावती देव ने उदयन को प्रतिबोध दिया परन्तु तापसभक्त होने के कारण वह संबुद्ध नहीं हुआ। तब देव तापस रूप बनाकर अमृतफल लेकर आया। राजा ने फल चखे और पूछा—'ये फल कहां से लाए हो?' देव रूप तापस बोला—'नगर से दूर मेरा आश्रम है। वहां से ये फल लाया हूं।' राजा उसके साथ आश्रम में गया। आगे वनखण्ड में प्रवेश किया। वहां साधुओं को देखा। साधुओं से धर्म-वार्ता सुनकर राजा संबुद्ध हो गया। देव ने अपना मूल रूप दिखाया। राजा ने देखा कि वह तो सभामण्डप में ही बैठा है। वह श्रावक बन गया।
गांधार श्रावक तीर्थंकरों की जन्मभूमि में चैत्य-वंदना कर वैताढ्य पर्वत पर यह सुनकर गया कि वहां स्वर्ण प्रतिमा है। वह वहां उपवास करके बैठ गया। देवता प्रगट हुए। तुष्ट होकर देव ने समस्त इच्छाएं पूर्ण करने वाली सौ गुटिकाएं दीं। वह गुटिकाओं को साथ लेकर जा रहा था। इतने में ही उसने सुना कि वीतभय नगर में गोशीर्षचंदन की प्रतिमा है। वह वंदन करने चला। वह वहां बीमार पड़ गया। देवदत्ता ने उसकी प्रतिचर्या की। श्रावक ने तुष्ट होकर सारी गुटिकाएं देवदत्ता को दे दीं। कालान्तर में वह श्रावक प्रव्रजित हो गया।
एक दिन देवदत्ता ने गुटिका को मुंह में रखकर मन ही मन सोचा—'मेरा वर्ण कनक सदृश हो जाए।' गुटिका के प्रभाव से उसका शरीर सुंदर और स्वर्ण आभा वाला हो गया। व्रह देवकन्या के समान प्रतीत होने लगी। उसने पुन: सोचा—'मैं भी भोग भोगूं। यहां का राजा मेरे पिता के समान है। दूसरे सारे रक्षक हैं अत: अच्छा हो यदि प्रद्योत मुझे पति के रूप में मिल जाए।' यह बात सोचकर उसने गुटिका खाई। इधर देवता ने प्रद्योत से कहा—'देवदत्ता अत्यन्त रूपवती है।' प्रद्योत ने स्वर्णगुटिका के पास दूत भेजा। देवदत्ता ने कहा—'मैं भी प्रद्योत को देखना चाहती हूं।' प्रद्योत अनलगिरि हाथी पर आरूढ़ होकर रात्रि में वहां आया। देवदत्ता उसमें आसक्त हो गई। उसने प्रद्योत से कहा—'यदि तुम प्रतिमा को साथ ले जा सको तो मैं तुम्हारे साथ चल सकती हूं।' दूसरी प्रतिमा नहीं है, यह सोचकर रात भर वहां रहकर वह वापस चला गया। दूसरी बार वह प्रतिरूप जिन-प्रतिमा को साथ लेकर आया। मूल प्रतिमा के स्थान पर उसे रखकर वह प्रतिमा और स्वर्णगुटिका दासी को साथ लेकर उज्जयिनी लौट गया।
अनलगिरि हाथी ने वीतभय में मूत्र और लीद की थी। उसकी गंध से दूसरे सारे हाथी उन्मत्त हो गए। जिस दिशा से गंध आ रही थी वहां नगररक्षकों ने अनलगिरि हाथी के पदचिह्नत देखे। उन्होंने सोचा—'राजा प्रद्योत यहां क्यों आया?' खोज की गयी। दासी देवदत्ता को न देखकर राजा बोला—'वह दासी को ले गया।' राजा ने प्रतिमा को देखने के लिए कहा। राजपुरुषों ने निवेदन किया कि प्रतिमा यथास्थान पर स्थित है। राजा प्रतिमा की पूजाबेला में वहां गया। उसने देखा कि प्रतिमा के पुष्प म्लान हो गए हैं। प्रतिमा का निरीक्षण करने पर ज्ञात हुआ कि मूल प्रतिमा नहीं, अपितु प्रतिरूपक है। आगंतुक ने प्रतिमा का भी हरण कर लिया है।
तब राजा ने प्रद्योत के वहां दूत भेजकर कहलवाया—'मुझे दासी से कोई प्रयोजन नहीं है लेकिन प्रतिमा को लौटा दो।' प्रद्योत इसके लिए तैयार नहीं हुआ। तब महाराज उदयन ने ज्येष्ठ मास में, दस राजाओं के साथ प्रद्योत पर आक्रमण कर दिया। मरुप्रदेश में जाते हुए स्कंधावार तृषा से मरने लगा। यह बात राजा तक पहुंची। राजा ने देवी प्रभावती का स्मरण किया। वह प्रगट हुई। उसने तीन पुष्करिणियां बनाईं—'एक आगे वाले स्कंधावार के लिए, एक मध्यवर्ती स्कंधावार के लिए तथा एक पृष्ठगामी स्कंधावार के लिए। सभी आश्वस्त हो गए।' राजा स्कंधावार के साथ उज्जयिनी पहुंचा और प्रद्योत से कहा—'निरपराध लोगों को मारने से क्या? हम दोनों के बीच युद्ध हो जाए। अश्व, रथ, हाथी अथवा पैदल जैसी तुम्हारी रुचि हो।' तब प्रद्योत ने कहा—'हम रथ पर आरूढ़ होकर युद्ध करें परन्तु प्रद्योत अनलगिरि हाथी पर चढ़कर आया और उदयन रथ पर।' उदयन ने प्रद्योत से कहा—'अहो! तुम सत्यप्रतिज्ञ नहीं हो। फिर भी तुम छूट नहीं सकोगे।' तब उदयन अपने रथ को चक्राकार घुमाने लगा। हाथी उसके पीछे लग गया। उदयन जीत गया। हाथी जहां-जहां पांव रखता, उदयन वहां बाण फेंक देता। हाथी के पैर बिंध गए, वह भूमि पर गिर पड़ा। प्रद्योत जब उससे उतरने लगा तब उदयन के सैनिकों ने उसे बंदी बना लिया। सैनिकों ने उसके ललाट पर एक पट्ट बांध दिया, जिस पर अंकित था—'महाराज उदयन की दासी का पति।' उदयन अपने नगर की ओर प्रस्थित हुआ। प्रतिमा को वह नहीं ले जा सका। रास्ते में वर्षा आ जाने के कारण उसे बीच में ही रुकना पड़ा। दसों राजा साथ थे। आक्रमण के भय से उन्होंने वहां मिट्टी का एक प्राकार बनाया। बंदी के रूप में प्रद्योत भी साथ ही था। महाराज उदयन जो भोजन करता, वही भोजन प्रद्योत को भी दिया जाता। पर्युषणा का पर्व आ गया। तब सूपकार ने प्रद्योत से पूछा—'क्या आज आप भोजन करेंगे?' प्रद्योत ने सोचा—'आज मैं मारा जाऊंगा।' उसने सूपकार से पूछा—'आज भोजन के लिए क्यों पूछ रहे हो?' सूपकार बोला—'आज पर्युषणा है। महाराज उदयन आज उपवास करेंगे।' प्रद्योत ने कहा—'मैं भी आज उपवास रखूंगा।' मेरे भी माता-पिता प्रव्रजित हैं। मुझे ज्ञात नहीं था कि आज पर्युषणा है। राजा प्रद्योत बोला—'जानता हूं, वह धूर्त्त है। मुझे इस प्रकार बंदी बनाकर रखने से उसकी पर्युषणा शुद्ध नहीं होगी।' यह सुनकर महाराज उदयन ने प्रद्योत को बंदीगृह से मुक्त कर दिया और उसके साथ क्षमायाचना की। ललाट पर लिखे पूर्व पट्ट के अक्षरों को आच्छादित करने के लिए स्वर्णपट्ट बंधवा दिया। उसे उसका राज्य लौटा दिया। उस दिन से पट्टबद्ध राजा होने लगे। इससे पूर्व 'मुकुटबद्ध' राजा होते थे। वर्षावास बीत जाने पर राजा अपने राज्य में चला गया। जो आ आया था, वह वहीं रुका रहा। दस राजा साथ रहने से वह नगर दशपुर कहलाने लगा।
९८. आर्यरक्षित
दशपुर नगर में सोमदेव नामक ब्राह्मण रहता था। उसकी भार्या का नाम रुद्रसोमा था, जो श्राविका थी। उसके पुत्र का नाम रक्षित था। रक्षित के छोटे भाई का नाम फल्गुरक्षित था। रक्षित ने अपने पिता के पास अध्ययन किया। घर में आगे पढ़ना नहीं होगा यह सोचकर वह अध्ययन हेतु पाटलिपुत्र गया। वहां उसने सांगोपांग चारों वेदों का अध्ययन किया। वह समाप्तपारायण और शाखापारग हो गया। उसने चौदह विद्यास्थान अच्छी तरह ग्रहण कर लिए। अध्ययन पूर्ण कर वह दशपुर नगर आया। उसके पारिवारिक जन राजकुल के सेवक थे। उन्होंने राजा को उसके आगमन की सूचना दी। राजा ने उसके सम्मान में नगर को पताकाओं से सजाया। राजा स्वयं उसकी अगवानी में गया। उसका सत्कार किया और बैठने के लिए सबसे आगे आसन दिया। इस प्रकार रक्षित पूरे नगरवासियों से अभिनन्दन स्वीकार करता हुआ, हाथी के हौदे पर बैठकर अपने घर पहुंचा। वहां भी बाह्य और आभ्यन्तर परिषद् से वह सम्मानित हुआ। चन्दन और कलश आदि से उपशोभित वह बाह्य आस्थानमंडप में बैठा था। लोगों से वह उपहार लेने लगा। तब उसने देखा कि उसके वयस्य और मित्र वहां आए हुए हैं। परिजनों तथा अन्य लोगों ने उसको अर्ध्य चढ़ाया, स्तुति की। उसका घर द्विपद, चतुष्पद तथा हिरण्यसुवर्ण से भर गया। उसने सोचा—'क्या बात है, मां नहीं दिखाई दे रही है।' घर के भीतर उसने मां को बैठे हुए देखा। उसने मां को प्रणाम किया। 'स्वागत है पुत्र।' इतना कहकर मां मौन हो गई। रक्षित ने पूछा—'मां क्या तुम मेरे अध्ययन से प्रसन्न नहीं हो? मैंने चौदह विद्यास्थानों का अध्ययन कर पूरे नगर को विस्मित कर डाला है। तुम तुष्ट क्यों नहीं हो?' मां बोली—'पुत्र! मुझे तुष्टि कैसे हो?' तुम अनेक प्राणियों के वधकारक ज्ञान को अर्जित कर आए हो। जिस ज्ञान से भवभ्रमण बढ़ता है, उससे मैं कैसे संतुष्ट हो सकती हूं? क्या तुम दृष्टिवाद पढ़कर आए हो?' रक्षित ने सोचा—'वह दृष्टिवाद कितना विशाल होगा? जाऊं और पढूं, जिससे मां को संतोष होगा। केवल लोगों को संतुष्ट करने से क्या?' वह बोला—'मां! कहां है वह दृष्टिवाद?' मां बोली—दृष्टिवाद का ज्ञान साधुओं के पास है। रक्षित दृष्टिवाद के अक्षरार्थ को सोचने लगा—दृष्टियों-मत-मतान्तरों का वाद—दृष्टिवाद। उसने सोचा—नाम बहुत सुन्दर है। यदि कोई मुझे पढ़ायेगा तो मैं पढूंगा, जिससे मां को भी संतोष होगा। उसने मां से पूछा—'दृष्टिवाद के ज्ञाता कौन हैं?' मां ने 'कहा—'हमारे इक्षुगृह में तोसलिपुत्र नामक आचार्य हैं, वे दृष्टिवाद के ज्ञाता हैं।' रक्षित बोला—'कल से मैं उसका अध्ययन प्रारंभ कर दूंगा, तुम उदासीन मत बनो।' रक्षित दृष्टिवाद के अर्थ में इतना तल्लीन हो गया कि रातभर सो नहीं सका। दूसरे दिन प्रभात होने से पूर्व ही वह घर से चल दिया। उसके पिता का मित्र ब्राह्मण उपनगर के एक गांव में रहता था।
उसने कल रक्षित को नहीं देखा था। आज रक्षित को देखूंगा यह सोच वह उसके स्वागत-उत्सव को देखने तथा उपहार देने के लिए नौ इक्षुदंड पूरे तथा एक इक्षुदंड आधा लेकर आ रहा था। रास्ते में रक्षित मिल गया। उस ब्राह्मण ने पूछा—'तुम कौन हो?' उसने कहा—'मैं आर्यरक्षित हूं।' तब ब्राह्मण ने प्रसन्न होकर उसको गले लगा लिया और कहा—'स्वागत है तुम्हारा! मैं तुमको देखने के लिए ही आ रहा था।' रक्षित बोला—'आप पधारें मैं शरीरचिन्ता से निवृत्त होने के लिए जा रहा हूं। इन इक्षुदंडों को मेरी मां को देकर कहना कि मैंने आर्यरक्षित को सबसे पहले देखा है।' घर पहुंचकर मां को इक्षुदंड देकर वह बोला—'मैंने आज सबसे पहले आर्यरक्षित को देखा है।' मां तुष्ट होकर सोचने लगी—'मेरे पुत्र ने सुन्दर और मंगल वस्तु देखी है। वह नौ पूर्व पूरे तथा दसवें का कुछ अंश ही प्राप्त कर सकेगा। इधर आर्यरक्षित ने भी सोचा, मुझे दृष्टिवाद के नौ अंग अथवा अध्ययन ही मिलेंगे, दसवां पूरा नहीं मिलेगा। वह वहां से इक्षुगृह में गया और सोचा—'क्या मैं ऐसे ही प्रवेश करूं मैं विधि नहीं जानता। आचार्य का कोई श्रावक आयेगा तो उसके साथ प्रवेश करूंगा।' यह सोचकर वह एक ओर बैठ गया। उसी समय ढड्डर नामक श्रावक शरीरचिन्ता से निवृत्त होकर उपाश्रय में जा रहा था। उसने दूर से ही तीन बार उच्च स्वर में नैषेधिकी का उच्चारण किया। आर्यरक्षित मेधावी था, उसने वंदन-विधि की अवधारणा कर ली। वह भी उसी क्रम से भीतर गया और सभी मुनियों को वंदना की। श्रावक को वंदना नहीं की। तब आचार्य ने सोचा—'यह नया श्रावक आया है।' साधुओं ने पूछा—'कौन से धर्म से आए हो?' रक्षित बोला—'इस ढड्डर श्रावक के मूल से।' साधुओं ने आचार्य को बताया कि यह श्राविका का पुत्र है। इसने कल हाथी पर चढ़कर नगर में प्रवेश किया था। उन्होंने आचार्य को पूरा वृत्तान्त कहा। रक्षित बोला—'मैं आपके पास दृष्टिवाद का अध्ययन करने आया हूं।' आचार्य बोले—'हमारे पास दीक्षित होने पर ही हम दृष्टिवाद का अध्ययन करवाते हैं।' रक्षित बोला—'मैं प्रव्रजित हो जाऊंगा।' आचार्य ने कहा—'प्रव्रजित हो जाने पर भी परिपाटी से दृष्टिवाद पढ़ाया जाता है।' रक्षित बोला—'परिपाटी से पढूंगा किन्तु मैं यहां प्रव्रजित नहीं हो सकूंगा क्योकि यहां का राजा मुझमें अनुरक्त है। लोग भी बहुत अनुरक्त हैं। प्रव्रजित होने के पश्चात् वे बलात् मुझे घर ले जायेंगे अत: यहां से अन्यत्र चलें।' आचार्य आर्यरक्षित को साथ लेकर अन्यत्र चले गए। यह पहली शिष्य-निष्पत्ति थी। आर्यरक्षित ने शीघ्र ही ग्यारह अंग पढ़ लिए। आचार्य तोसलिपुत्र जितना दृष्टिवाद जानते थे, वह भी उसने सारा पढ़ लिया। उसने सुना कि आर्यवज्र युगप्रधान आचार्य हैं, वे दृष्टिवाद के अधिक ज्ञाता हैं। तब आर्यरक्षित उज्जयिनी के बीच से होते हुए चले। वहां वह स्थविर भद्रगुप्त के पास पहुंच गया। उन्होंने भी उसका उपबृंहण करते हुए कहा—'तुम धन्य हो, कृतार्थ हो। मैं संलेखना कर रहा हूं। मेरा निर्यापक-सहायक कोई नहीं है। तुम मेरे निर्यापक बन जाओ।' आर्यरक्षित ने यह बात स्वीकार कर ली। मरते समय स्थविर भद्रगुप्त बोले—'आर्य! तुम वज्रस्वामी के पास जा रहे हो परन्तु उनके साथ उपाश्रय में मत रहना। दूसरे उपाश्रय में ठहर कर पढ़ना क्योंकि जो उनके साथ एक रात भी रह जाता है, वह मर जाता है।' आर्यरक्षित ने यह बात मान ली। स्थविर भद्रगुप्त के कालगत हो जाने पर वह वज्रस्वामी के पास गया। वह उपाश्रय के बाहर ही ठहरा। आर्यवज्र ने उसी रात एक स्वप्न देखा कि एक आगंतुक ने उनके पास से बहुत ले लिया लेकिन उनके पास कुछ अवशिष्ट रह गया। आर्यरक्षित आए तब आचार्य ने पूछा—'कहां से आए हो?' उसने कहा—'तोसलिपुत्र आचार्य के पास से आया हूं। मेरा नाम आर्यरक्षित है।' आचार्य बोले—'अच्छा, आओ स्वागत है तुम्हारा। कहां ठहरे हो?' रक्षित बोला—'बाहर ठहरा हूं।' आचार्य बोले—'क्या बाहर स्थित व्यक्ति को अध्ययन कराया जा सकता है? क्या तुम यह नहीं जानते?' तब आर्यरक्षित बोले—'क्षमाश्रमण स्थविर भद्रगुप्त ने मुझे कहा था कि उपाश्रय के बाहर ही ठहरना।' तब आचार्य वज्र ने उपयुक्त होकर जान लिया कि आर्य निष्कारण कुछ नहीं कहते। अच्छा, तुम बाहर ही ठहरो। उन्होंने उसे पढ़ाना प्रारंभ किया। आर्यरक्षित ने शीघ्र ही नौ पूर्व पढ़ लिए। दसवें पूर्व का अध्ययन चल रहा था तब आर्यवज्र ने कहा—'इसके यविक करो। इसका यही परिकर्म है। ये गूढ और सूक्ष्म हैं।' आर्यरक्षित ने दसवें पूर्व के चौबीस यविक ग्रहण कर लिए। आर्यवज्र भी पढ़ाते रहे।
इधर आर्यरक्षित के माता-पिता पुत्र-शोक से विह्वल हो गए। उन्होंने सोचा—'आर्यरक्षित उद्योत करने की बात कह रहा था परन्तु उसने तो अंधकार कर दिया।' उन्होंने आर्यरक्षित को बुलाने का संदेश भेजा परन्तु वह नहीं आया। तब उन्होंने छोटे भाई फल्गुरक्षित को भेजा और कहलवाया—'तुम शीघ्र आ जाओ। यहां आओगे तो सभी सदस्य प्रव्रजित हो जायेंगे।' आर्यरक्षित को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने फल्गुरक्षित से कहा—'यदि वे सब प्रव्रजित होना चाहते हैं तो पहले तुम प्रव्रजित हो जाओ।' वह प्रव्रजित हो गया। उसे अध्ययन कराया गया।
आर्यरक्षित दसवें पूर्व की यविकाओं का अध्ययन कर रहे थे। उनमें वे बहुत कठिनाई अनुभव करने लगे। एक दिन उन्होंने आचार्य वज्र से पूछा—'भगवन्! दसवां पूर्व कितना शेष रहा है?' आचार्य बोले—'अभी तो बिन्दुमात्र ग्रहण किया है, समुद्र जितना शेष है। अभी सर्षप और मंदर जितना अन्तर है।' यह सुनकर आर्यरक्षित विषादग्रस्त हो गये। सोचा, मेरे में इतनी शक्ति कहां है कि मैं इसका पार पा सकूं? उन्होंने आचार्य से पूछा—'भगवन्! मैं घर जाना चाहता हूं। यह मेरा भाई फल्गुरक्षित आ गया है।' आचार्य बोले—'अभी पढ़ो।' इस प्रकार आर्यरक्षित आगे पढ़ता और प्रतिदिन आचार्य से घर जाने की बात पूछता। एक दिन आचार्य ने ज्ञान से उपयोग लगाकर देखा और जाना कि दसवां पूर्व मेरे साथ ही व्युच्छिन्न हो जाएगा। उन्होंने जान लिया कि मेरा आयुष्य अल्प है। आर्यरक्षित घर जाने के पश्चात् लौटकर नहीं आयेगा अत: मेरे बाद यह दसवां पूर्व व्युच्छिन्न हो जाएगा। उन्होंने आर्यरक्षित को घर जाने की अनुमति दे दी। आर्यरक्षित भाई के साथ वहां से प्रस्थित हुए और दशपुर नगर पहुंचे।
आर्यरक्षित ने वहां पहुंचकर अपने समस्त स्वजनवर्ग को प्रव्रजित कर दिया। माता और भगिनी भी प्रव्रजित हो गयी। आर्यरक्षित का पिता उनके प्रति अनुराग के कारण उनके साथ ही रहता किन्तु लज्जा के कारण मुनिवेश धारण करने का इच्छुक नहीं बना। मैं श्रमणदीक्षा कैसे ले सकता हूं? यहां मेरी लड़कियां, पुत्रवधुएं तथा पौत्र आदि हैं, मैं उन सबके समक्ष नग्न कैसे रह सकता हूं? आचार्य आर्यरक्षित ने अनेक बार प्रव्रज्या की प्रेरणा दी। उसने कहा—'यदि वस्त्र-युगल, कुंडिका, छत्र, जूते तथा यज्ञोपवीत रखने की अनुमति दो तो मैं प्रव्रज्या ग्रहण कर सकता हूं।' आचार्य ने सब स्वीकार कर लिया। वह प्रव्रजित हो गया। उसे चरण-करण स्वाध्याय करने वालों के पास रखा गया। वह कटिपट्टक, छत्र, जूते, कुंडिका तथा यज्ञोपवीत आदि को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था।
एक बार आचार्य चैत्य-वंदन के लिए गए। आचार्य ने पहले से ही बालकों को सिखा रखा था। सभी बालक एक साथ बोल पड़े—'हम सभी मुनियों को वंदना करते हैं, एक छत्रधारी मुनि को छोड़कर।' तब उस वृद्ध मुनि ने सोचा, ये मेरे पुत्र-पौत्र सभी वंदनीय हो रहे हैं। मुझे वंदना क्यों नहीं की गयी? वृद्ध ने बालकों से कहा—'क्या मैं प्रव्रजित नहीं हूं।' वे बोले—'जो प्रव्रजित होते हैं, वे छत्रधारी नहीं होते।' वृद्ध ने सोचा, ये बालक भी मुझे प्रेरित कर रहे हैं। अब मैं छत्र का परित्याग कर देता हूं। स्थविर ने अपने पुत्र आचार्य से कहा—'पुत्र! अब मुझे छत्र नहीं चाहिए।' आचार्य ने कहा—'अच्छा है। जब गर्मी हो तब अपने सिर पर वस्त्र रख लेना।' बालक फिर बोले—'कुंडिका क्यों? संज्ञाभूमि में जाते समय पात्र ले जाया जा सकता है।' उसने कुंडिका भी छोड़ दी। यज्ञोपवीत का भी परित्याग कर दिया। आचार्य आर्यरक्षित बोले—'हमें कौन नहीं जानता कि हम ब्राह्मण हैं।' वृद्ध मुनि ने सारी चीजें छोड़ दीं, एक कटिपट्ट रखा। बालक फिर बोल पड़े—'हम सभी को वंदना करते हैं, केवल एक कटिपट्टधारी मुनि को छोड़कर।' वृद्ध मुनि बोला—'तुम अपनी दादी-नानी को वंदना करो। मुझे और कोई वंदना करेगा। मैं कटिपट्टक नहीं छोडूंगा।' उस समय वहां एक मुनि ने भक्तप्रत्याख्यान किया था। आचार्य रक्षित ने कटिपट्टक के परिहार के लिए कहा—'जो इस मृत मुनि के शव को बहन करेगा, उसे महान् फल होगा।' जिन मुनियों को पहले से ही समझा रखा था, वे परस्पर कहने लगे—'इस शव को हम बहन करेंगे।' आचार्य का स्वजनवर्ग बोला—'इसको हम बहन करेंगे।' वे आपस में कलह करते हुए आचार्य के पास पहुंचे। आचार्य बोले—'क्या मेरे स्वजनवर्ग इस निर्जरा के अधिकारी नहीं हैं जो तुम लोग शव को बहन करने की बात कह रहे हो।' तब स्थविर ने आर्यरक्षित से पूछा—'क्या इसमें बहुत निर्जरा है?' आचार्य बोले—'हां' तब स्थविर ने कहा कि शव का बहन मैं करूंगा। आचार्य बोले—'इसमें उपसर्ग उत्पन्न होंगे। बालक नग्न कर देंगे। यदि तुम सहन कर सको तो बहन करो। यदि तुम सहन नहीं कर सकोगे तो हमारा अपमान होगा, अच्छा नहीं लगेगा।' इस प्रकार आचार्य ने स्थविर को स्थिर कर दिया। स्थविर बोला—'मैं सहन करूंगा।' जब उसने शव को उठाया, तब उसके पीछे-पीछे मुनि उठे। बालकों ने एक बालक से कहा—'इनका कटिवस्त्र खोल दो। उसने कटिवस्त्र खोलना शुरू कर दिया। दूसरे बालक ने कटिवस्त्र आगे करके डोरे से बांध दिया! वह लज्जित होकर भी शव का बहन करने लगा। उसने सोचा—'पीछे से मेरी पत्रवधुएं देख रही हैं। उपसर्ग है, किन्तु मुझे सहन करना है, इस दृष्टि से वह चलता रहा और पुन: उसी अवस्था में लौट आया।' स्थविर को बिना शाटक देख आचार्य ने पूछा—'अरे यह क्या?' स्थविर बोला—'उपसर्ग उत्पन्न हुआ था।' आचार्य बोले—'क्या दूसरा शाटक मंगवाएं?' स्थविर बोला—'अब शाटक का क्या प्रयोजन? जो देखना था, वह देख लिया। अब चोलपट्टक ही पहनूंगा।' उसे चोलपट्टक दे दिया गया।
वह स्थविर भिक्षाचर्या के लिए नहीं जाता था। आचार्य ने सोचा—'यदि वह भिक्षाचर्या नहीं करेगा तो कौन जानता है, कब क्या हो जाए? फिर यह एकाकी क्या कर सकेगा? इसे निर्जरा भी तो करनी है। इसलिए ऐसा उपाय करना चाहिए जिससे यह भिक्षा के लिए जाए। इससे आत्म-वैयावृत्य होगी। फिर यह पर-वैयावृत्य भी कर सकेगा।' एक दिन आचार्य ने मुनियों से कहा—'मैं अन्यत्र जा रहा हूं। तुम सभी स्थविर के समक्ष एकाकी-एकाकी भिक्षा के लिए जाना।' सभी ने स्वीकार कर लिया। आचार्य ने दूसरे गांव जाते हुए साधुओं से कहा—'स्थविर की सार-संभाल रखना।' आचार्य चले गए। सभी मुनि एकाकी—एकाकी भिक्षा के लिए गए, भक्तपान ले आए और अकेले भोजन करने लगे। स्थविर ने सोचा—'यह मुनि मुझे भोजन देगा, यह मुनि मुझे भोजन देगा।' परन्तु किसी ने भोजन नहीं दिया। स्थविर क्रुद्ध हो गया परन्तु कुछ बोला नहीं। मन ही मन सोचा—'आचार्य को कल आने दो। फिर देखना, इन मुनियों को क्या-क्या उपालंभ दिलाता हूं।' दूसरे दिन आचार्य आ गए। आचार्य ने स्थविर से पूछा—'कैसा रहा?' स्थविर ने कहा—'यदि तुम नहीं होते तो मैं एक दिन भी जीवित नहीं रह सकता। ये मेरे पुत्र-पौत्र जो मुनि हैं, उन्होंने भी मुझे कुछ आहार लाकर नहीं दिया।' तब आचार्य ने स्थविर के सामने उन सबकी निर्भर्त्सना की। उन्होंने उसे स्वीकार किया। आचार्य बोले—'लाओ पात्र! मैं स्वयं स्थविर पिता मुनि के लिए पारणक लेकर आता हूं।'
तब स्थविर ने सोचा—'आचार्य कहां-कहां घूमेंगे? ये कभी लोगों के समक्ष भिक्षा के लिए नहीं गए हैं। मैं ही भिक्षा के लिए जाऊं।' स्थविर स्वयं भिक्षा लेने गया। चिरकाल तक गृहवास में रहने के कारण वह लोगों के लिए परिचित था। वह घूम रहा था। उसे ज्ञात नहीं था कि द्वार कौनसा है और अपद्दार कौनसा? घूमते-घूमते वह एक घर में अपद्दार से प्रविष्ट हुआ। उस घर में उस दिन लड्डू (मिठाई) बने थे। गृहस्वामी बोला—'तुम मुनि हो, अपद्वार से कैसे आए?' स्थविर बोला—'आती हुई लक्ष्मी के लिए क्या द्वार और क्या अपद्वार, जिस रास्ते से वह आए, वही सुंदर है।' गृहस्वामी ने अपने व्यक्तियों से कहा—'इसको भिक्षा दो।' वहां उसे बत्तीस मोदक मिले। वह उन्हें लेकर स्थान पर आया। उसने भिक्षाचरी की आलोचना की। आचार्य बोले—'परंपर से शिष्य-परंपरा चलाने वाले तुम्हारे बत्तीस शिष्य होंगे।' आचार्य ने स्थविर से पूछा—'गृहस्थावस्था में यदि किसी राजकुल से विशेष द्रव्य प्राप्त होता तो किसको देते?' स्थविर बोला—'ब्राह्मणों को।' आचार्य बोले—'इसी प्रकार ये मुनि भी पूजनीय हैं। तुम्हारा यह प्रथम लाभ इनको दो।' स्थविर ने सभी साधुओं में बत्तीस मोदक बांट दिए। स्थविर स्वयं के लिए भक्तपान लाने पुन: प्रस्थित हुआ। उसे घृतमधु संयुक्त परमान्न मिला। उसने उसे स्वयं खाया। इस प्रकार वह स्थविर मुनि स्वयं की भिक्षा के लिए घूमता परन्तु अनेक बाल, दुर्बल मुनियों के लिए आधारभूत बन गया।
उस गच्छ में तीन पुष्यमित्र थे—दुर्बलिका पुष्यमित्र, घृतपुष्यमित्र और वस्त्रपुष्यमित्र। दुर्बलिका पुष्यमित्र स्मारक था, प्रत्यावर्तन करने वाला था। घृतपुष्यमित्र घी प्रात करने में कुशल था। उसकी यह लब्धि थी कि द्रव्यत: वह घृत का उत्पादन कर लेता था। क्षेत्रत: उज्जयिनी में। कालत:जेठ, आसाढ के महीनों में। भावत: एक गर्भवती ब्राह्मणी, जिसके पति ने यह सोचकर थोड़ा-थोड़ा घी इकट्ठा कर छह महीनों में एक घड़ा घी एकत्रित किया कि गर्भवती पत्नी के प्रसव के बाद काम आयेगा। घृतपुष्यमित्र उसके घर जाए और घी की याचना करे तो उसके पास अन्य घृत न होने पर भी ब्राह्मणी घी का पूरा घट उसे प्रसन्नता से दे देगी। इस प्रकार गच्छ के लिए जितने घृत की आवश्यकता होती, वह प्राप्त हो जाता। वह जाते समय मुनियों से पूछता—'किसको कितना घी चाहिए?' जितनी मांग होती, उतनी वह पूरी कर देता था।
वस्त्र पुष्यमित्र की वस्त्र के उत्पादन में ऐसी ही लब्धि थी। द्रव्यत: चस्त्र। क्षेत्रत: विदेश में अथवा मथुरा में। कालत: वर्षाकाल अथवा शीतकाल में। भावत: एक विधवा स्त्री, जिसने अत्यंत दु:खद स्थिति में भूख-प्यास और शीत से क्लान्त होते हुए सूत से साड़ी बुनी और यह सोचा कि कल इसे पहनूंगी। इतने में ही वस्त्र पुष्यमित्र ने उसकी याचना कर ली तो वह अत्यंत प्रसन्नता से वह वस्त्र दे देगी। गच्छ के लिए जितना वस्त्र आवश्यक होता था, वह उसकी पूर्ति कर देता।
दुर्बलिका पुष्यमित्र ने नौ पूर्वों का अध्ययन कर लिया था। वह रात-दिन उनका प्रत्यावर्तन करता था। इस प्रकार निरंतर प्रत्यावर्तन में लगे रहने से वह दुर्बल हो गया। यदि वह उनका पुन: स्मरण नहीं करता तो भूल जाने का भय रहता। दशपुर में उसके कुछेक बंधु रक्तपट के उपासक थे। वे आचार्य के पास आकर बोले—'हमारे साधु ध्यान करते हैं। आपके यहां ध्यान की परम्परा नहीं है।'
आचार्य बोले—'हमारे यहां ध्यान की परंपरा है। आपका यह जो निजी दुर्बलिका पुष्यमित्र है, यह ध्यान के कारण इतना दुर्बल हुआ है। उन्होंने कहा—'जब यह गृहस्थ अवस्था में था, तब स्निग्ध और पौष्टिक आहार करने के कारण बलिष्ठ था। अब यहां वैसा आहार प्राप्त नहीं होता अत: यह दुर्बल हो गया है।' आचार्य बोले—'ऐसी बात नहीं है। यह बिना घृत के कभी आहार करता ही नहीं।' उन्होंने पूछा कि आपको घृत की प्राप्ति कहां से होती है? आचार्य बोले—'हमारे यहां मुनि घृतपुष्यमित्र जितना चाहें उतना घृत ला देते हैं।' उनको विश्वास नहीं हुआ। तब आचार्य आर्यरक्षित ने उनसे कहा—'आप दुर्बलिका पुष्यमित्र को अपने यहां आहार करवाओ।' उनको संबोध देने के लिए आचार्य ने दुर्बलिका पुष्यमित्र को उनके साथ भेज दिया। वे उन्हें प्रतिदिन स्निग्ध आहार देते। वह प्रतिदिन आगमों का पुनरावर्तन करता। उनका स्निग्ध आहार राख में डालने वैसा हुआ। अब वे उसे प्रचुर स्निग्ध आहार देने लगे। वे निर्विण्ण हो गए पर शरीर बलिष्ठ नहीं हुआ। उन्होंने कहा—अब आगमों का प्रत्यावर्तन मत करो। उसने आगम का प्रत्यावर्तन छोड़ दिया और अंत-प्रांत आहार करने लगा। उसका शरीर पहले जैसा ही बलिष्ठ हो गया। वे रक्तपट वाले उसको लेकर आचार्य के पास आए। आचार्य ने उन्हें धर्म का प्रवचन दिया। वे सभी श्रावक हो गए।
उस गण में चार मुनि मुख्य थे—दुर्बलिका पुष्यमित्र, विन्ध्य, फल्गुरक्षित तथा गोष्ठामाहिल। विन्ध्य अतीव मेधावी था। सूत्र, अर्थ और सूत्रार्थ—इनको ग्रहण करने एवं धारने में समर्थ था परन्तु सूत्रमंडली में कुछ विस्मृत हो जाता था। क्रमश: सूत्रालापकों की स्मृति करते—करते उसका क्रम टूर जाता था। उसने आचार्य से कहा—'मैं सूत्रमंडली में विषादग्रस्त हो जाता हूं, सूत्र भूल जाता हूं। विलम्ब से क्रम आने के कारण सूत्र स्मृतिपरल पर नहीं रहता। आप मुझे कोई वाचनाचार्य दें।' तब आचार्य आर्यरक्षित ने उसे दुर्बलिका पुष्यमित्र को वाचनाचार्य के रूप में दे दिया। दुर्बलिका पुष्यमित्र ने कुछेक दिनों तक वाचना दी। एक दिन वह आचार्य के पास आकर बोला—वाचना देते रहने से मेरे श्रुत की हानि होती है। मैंने ज्ञातिजनों के गृह में रहते उस श्रुत की अनुप्रेक्षा नहीं की है। इसलिए यदि मैं श्रुत का पुनरावर्तन नहीं करूंगा तो नौवां पूर्व नष्ट हो जाएगा। तब आचार्य ने सोचा—'जब परममेधावी इस शिष्य का श्रुत पुनरावर्तन के अभाव में नष्ट हो जाएगा तो दूसरों का तो कहना ही क्या? उनके तो वह श्रुत स्थिर रह ही नहीं सकता।'
आचार्य आर्यरक्षित ने अतिशय उपयोग लगाया और जान लिया कि क्षेत्रानुभाव तथा कालानुभाव से पुरुषों की मति, मेधा और धारणा शक्ति परिहीन हो गई है। उनके अनुग्रह के लिए उन्होंने सूत्रविभाग के आधार पर अनुयोगों का पृथक्करण कर दिया। अतिगूढ़ नयविभागों को सुखपूर्वक ग्रहण करने के लिए यह उपक्रम किया।
आचार्य आर्यरक्षित विहार करते हुए मथुरा में आए और वहां भूतगुफा में स्थित व्यंतर के मंदिर में ठहरे। इन्द्र महाविदेह क्षेत्र में गया तब सीमंधर स्वामी ने निगोद जीवों के विषय में विस्तार से बताया। इन्द्र ने पूछा—'भगवन्! क्या भरतवर्ष में कोई ऐसे आचार्य हैं, जो निगोद के जीवों का वर्णन कर सकते हैं?' सीमंधर भगवान् बोले—'आचार्य आर्यरक्षित इनका वर्णन करने में समर्थ हैं।' इन्द्र तब स्थविर ब्राह्मण का रूप बनाकर आया। जब सभी मुनि इधर-उधर चले गए तब वह आचार्य के पास आकर वंदना करके बोला—'भगवन्! मेरे शरीर में महान् व्याधि है। मैं भक्तप्रत्याख्यान करना चाहता हूं, इसलिए आप कृपा कर बताएं कि मेरा आयुष्य कितना है?' पूर्वों की यविकाओं में आयुष्य की प्रज्ञापना है। आचार्य उपयुक्त हो गए। उन्होंने सोचा—'इस व्यक्ति का आयुष्य सौ, दो सौ, तीन सौ वर्ष का है।' यह भारत का मनुष्य नहीं है। यह विद्याधर अथवा व्यंतर है। ऐसा सोचते-सोचते आचार्य दो सागरोपम की स्थिति तक पहुंच गए। तब हाथ से भौहों को ऊपर कर कहा—'तुम शक्र हो?' तब ब्राह्मण वेशधारी देव ने सारा वृत्तान्त बताते हुए कहा—'मैंने महाविदेह क्षेत्र में सीमंधर स्वामी के दर्शन किए थे।' वहां मैंने निगोद के विषय में पूछा था। अब आपके मुख से निगोद जीवों का वर्णन सुनना चाहता हूं। आचार्य ने निगोद जीवों के विषय में बताया। शक्र परम संतुष्ट होकर बोला—'भगवन्! अब मैं जाऊं।' आचार्य बोले—'कुछ समय तक ठहरो। मुनिगण आ जाएं।' इन्द्र बोला—'यह दुर्वृत्तान्त हो जाएगा कि आजकल भी इन्द्र आते हैं क्या?' वह बोला—'भंते! यदि आपके शिष्य मुझको देखेंगे तो वे अल्पसत्त्व होने के कारण निदान कर लेंगे इसलिए मैं जा रहा हूं। आचार्य बोले—'कोई निशान कर चले जाओ।' तब शक्र ने उस उपाश्रय का द्वार दूसरी दिशा में करके प्रस्थान कर दिया। मुनियों ने आकर उपाश्रय का द्वार देखा पर मिला नहीं। तब आचार्य बोले—'इधर से आ जाओ।' आचार्य ने उन्हें इन्द्र के आगमन की बात बताई। शिष्य बोले—'अहो! हम उन्हें नहीं देख पाए। आपने उनको मुहूर्त्त्त भर के लिए क्यों नहीं रोका?' आचार्य इन्द्र के शब्दों को दोहराते हुए बोले—'आज के मनुष्य अल्पसत्त्व वाले होते हैं। वे मुझे देखकर निदान कर देंगे।' इसलिए यह चमत्कार कर इन्द्र चला गया। इस प्रकार आचार्य आर्यरक्षित देवेन्द्र वन्दित थे।
एक बार वे विहार कर दशपुर नगर गए। उस समय मथुरा में एक अक्रियावादी उठा। वह कहता था कि न माता है और न पिता। इस प्रकार वह नास्तिकवाद का प्रबल समर्थक था। अन्य कोई वादी वहां नहीं था। तब संघ ने साधुओं के एक संघाटक को आर्यरक्षित के पास भेजा। वे युगप्रधान थे। संघाटक ने आचार्य से सारी बात कही। वे वृद्ध थे अत: उन्होंने अपने मामा मुनि गोष्ठामाहिल को वहां भेजा। वह वादलब्धि से संपन्न था। वह मथुरा में गया और उसने वादी का निग्रह कर दिया। श्रावकों की प्रार्थना पर गोष्ठामाहिल ने वहीं वर्षारात्र बिताने का निश्चय कर लिया।
आचार्य अब सोचने लगे—'मेरे पश्चात् गणधारक कौन होगा?' उन्होंने मन ही मन दुर्बलिका पुष्यमित्र को निर्धारित कर लिया। जो आचार्य का स्वजनवर्ग था, उनको गोष्ठामाहिल अथवा फल्गुरक्षित अभिमत था। तब आचार्य ने सबको बुलाकर दृष्टान्त देते हुए कहा—'तीन घड़े हैं। एक चने से भरा है, दूसरा तेल से भरा है और तीसरा घृत से भरा है। उन तीनों को उल्टा करने पर जिस घट में चने भरे होंगे वे सारे नीचे गिर पड़ेंगे। तेल के घट को उल्टा करने पर कुछ तेल घड़े के लगा रह जाएगा। घी के घट को उल्टा करने पर कुछ अधिक घी घड़े से लगा रह जाएगा। इसी प्रकार आयों! दुर्बलिका पुष्यमित्र ने सूत्र अर्थ और तदुभय से मुझे चने के घट के समान कर दिया है। फल्गुरक्षित ने मुझे तेलघट के समान तथा गोष्ठामाहिल ने घृतघट के समान बना डाला है इसलिए अब सूत्र और अर्थ से समन्वित दुर्बलिका पुष्यमित्र तुम्हारे आचार्य हों। सबने उन्हें आचार्य रूप में स्वीकार कर लिया। तब आचार्य ने दुर्बलिका पुष्यमित्र से कहा—'मैंने फल्गुरक्षित और गोष्ठामाहिल के प्रति जैसा बर्ताव किया, वैसा ही तुम भी उनके प्रति व्यवहार करना।' उनसे भी कहा—'जैसा व्यवहार तुम मेरे प्रति करते थे, वैसा ही व्यवहार तुम दुर्बलिका पुष्यमित्र के प्रति करना।' मेरे प्रति किसी ने उचित व्यवहार निभाया या नहीं, मैं उसके प्रति रुष्ट नहीं होता था। किन्तु दुर्बलिका पुष्यमित्र सहन नहीं करेगा, क्षमा नहीं करेगा। इसलिए निरंतर इनके प्रति जागरूक रहना। इस प्रकार दोनों वर्गो को संदेश देकर आर्यरक्षित भक्तप्रत्याख्यानपूर्वक पंडितमरण को प्राप्त कर दिवंगत हो गए।
गोष्ठामाहिल ने सुना कि आचार्य दिवंगत हो गए हैं तो वह आने-जाने वालों से पूछता—'आचार्य ने गण का भार किसको सौंपा है?' उसने कुटक दृष्टान्त सुना। वह दशपुर नगर आया और एक पृथक् उपाश्रय में ठहरा। सभी संत आए और बोले—'आप यहां क्यों ठहरे हो? हमारे साथ ठहरो।' वह उनके साथ जाना नहीं चाहता था। वह अलग रहकर लोगों को भ्रान्त करने लगा। मुनियों को वह भ्रान्त नहीं कर सका।
आचार्य अर्थपौरुषी देने लगे। वह नहीं सुनता। वह कहता—'तुम सब यहां निष्पावकुट के समान हो।' आचार्य के उठ जाने पर विंध्य अर्थपौरुषी देने बैठा। उसको वह सुनता था। उस समय आठवें पूर्व कर्मप्रवाद के अन्तर्गत कर्म का वर्णन चल रहा था कि जीव के कर्मों का बंध कैसे होता है? जीव और कर्म का आपस में संबंध कैसे होता है? इसकी व्याख्या सुनते हुए अभिनिवेश के कारण वह निहव हो गया।
९९. आनन्द श्रावक
वाणिज्यग्राम में आनन्द नामक गाथापति रहता था। उसकी भार्या का नाम शिवानम्दा था। वाणिज्यग्राम के निकट ही कालक नामक सन्निवेश था। वहां आनन्द के अनेक मित्र और ज्ञातिजन रहते थे। एक बार भगवान् महावीर वाणिज्यग्राम के दूतिपलाश चैत्य में समवसृत हुए। महाराज जितशत्रु अपने परिवार के स्थ भगवान् की उपासना करने गए। आनन्द ने भी भगवान् के आगमन की बात सुनी। वह भी भगवान् के दर्शन करने गया। भगवान् ने धर्म-प्रवचन कियो। परिषद् अपने-अपने गंतव्य की ओर चली गई। धर्म-प्रवचन सुमकर आनन्द ने अत्यंत हर्ष्टतुष्ट होकर भगवान् से कहा—'भगवन्! मैं निर्ग्रन्थ प्रवचन के प्रति श्रद्धा करता हूं, प्रतीति करता हूं किन्तु मैं प्रव्रज्या ग्रहण करने में समर्थ नहीं हूं।' मैं श्रावक धर्म के बारह व्रतों को स्वीकार कर सकता हूं। भगवान् बोले—'ठीक है, जितना तुम्हारा सामर्थ्य हो उतना स्वीकार करो।' आनन्द ने श्रावक्रधर्म के बारह व्रत स्वीकार कर लिए। चौदह वर्षों तक उसने उनका संपूर्णरूप से पालन किया। तत्पश्चात् वह श्रावक की ग्यारह प्रतिमाएं स्वीकार कर उनका यथाविधि पालन करने लगा। जब वह ग्यारहवीं प्रतिमा में संलग्न था, तब उसे अवधिज्ञान की उपलब्धि हुई। इस प्रकार बीस वर्ष तक श्रावकधर्म की सविधि परिपालना कर अन्त में मासिक संलेखना से मरण प्राप्त कर वह सौधर्म देवलोक के अरुण विमान में देवरूप में उत्पन्न हुआ।
१००. कामदेव श्रावक
चंपा नगरी में कामदेव गाथापति रहता था। उसकी पत्नी का नाम भद्रा था। एक बार भगवान् महावीर चंपा नगरी के पूर्णभद्र चैत्य में समवसृत हुए। कामदेव ने भगवान् से श्रावक के बारह व्रत स्वीकार किए। बारह वर्षों तक उनका यथाविधि पालन कर वह श्रावक को ग्यारह प्रतिमाओं को साधना में संलग्न हो गया। वह ग्यारहवीं प्रतिमा कर रहा था। उस समय देव-उपसर्ग हुआ। देव ने पिशाच, हाथी और सर्प का रूप धारण कर कामदेव को विचलितं करना चाहा। कामदेव अपनी साधना से तनिक भी स्खलित नहीं हुआ। भगवान् महावीर ने साधुओं की गोष्ठी में कामदेव की सहिष्णुता की प्रशंसा करते हुए श्रमण-श्रमणियों को परीषह तथा उपसर्गो में दृढ़ रहने की प्रेरणा दी। जब कामदेव भगवान् की उपासना में पहुंचा तब भगवान् ने कहा—'निर्ग्रन्थ प्रवचन के प्रति तुम्हारी आस्था को धन्य है।' भगवान् के वचनों से उसका उत्साह बढ़ा और अंत में वह मासिक संलेखना से मरण प्राप्त कर अरुणाभ विमान में देवरूप में उत्पन्न हुआ।
१०१. जमालि और बहुरतवाद ( केवलोत्पत्ति के १४ वर्ष पश्चात् )
भगवान् महावीर की बड़ी बहिन सुदर्शना कुंडपुरग्राम में रहती थी। उसके पुत्र का नाम जमालि था। भगवान् की पुत्री अनवद्यांगी उसकी भार्या थी। उसका दूसरा नाम प्रियदर्शना था। जमालि ने ५०० पुरुषों के साथ तथा प्रियदर्शना ने हजार स्त्रियों के साथ भगवान् के पास दीक्षा ग्रहण की। दीक्षित होकर उसने ग्यारह अंगों का अध्ययन किया।
एक बार जमालि भगवान् से आज्ञा प्राप्त कर पांच सौ साधुओं के साथ श्रावस्ती नगरी चला गया। वहां तिंदुक उद्यान के कोष्ठक चैत्य में समवसृत हुआ। अंत-परान्त आहार सेवन से उसका शरीर रोगाक्रान्त हो गया और दाहज्वर उत्पन्न हो गया। वह बैठने में भी समर्थ नहीं रहा। दाहज्वर से अभिभूत होकर उसने श्रमणों से कहा—'मेरा शय्या-संस्तारक (बिछौना) करो।' उन्होंने बिछौना करना शुरू किया। अधीर होकर उसने पूछा—'क्या बिछौना कर दिया।' श्रमणों ने कहा—'कर दिया।' जब वह उठकर शय्या के पास पहुंचा तो अर्धसंस्तृत बिछौने को देखकर जमालि के मन में शंका हो गई कि भगवान् तो क्रियमाण को कृत, चलमान को चलित, उदीर्यमाण को उदीरित और निर्जीर्यमाण को निजीर्ण कहते हैं, यह मिथ्या है। प्रत्यक्ष दिखाई दे रहा है कि बिछौना क्रियमाण है पर कृत नहीं है, संस्तीर्यमाण है पर संस्तृत नहीं है। इस प्रकार वेदना-विह्वल जमालि मिथ्यात्व के उदय से निहव बन गया। उससे बहुरतवाद की उत्पत्ति हुई। कुछ साधुओं ने जमालि के कथन पर श्रद्धा की तथा कुछ ने श्रद्धा नहीं की। जिन्होंने श्रद्धा की, वे जमालि के पास रहे। जिन्होंने श्रद्धा नहीं की वे बोले—'जमालि! भगवान् ने जो कहा है, वह तथ्य है। तुम जो कह रहे हो, वह मिथ्या है।' वे पुन: भगवान् महावीर के शासन में प्रव्रजित हो गए।
साध्वी प्रियदर्शना कुंभकार ढंक के यहां ठहरी हुई थी। वह जमालि के दर्शनार्थ आई। जमालि ने उसे सारी बात समझाई। जमालि के प्रति अनुरक्त होने के कारण उसने जमालि के मत को स्वीकार कर लिया और अन्य साध्वियों को भी समझा दिया। जब कुंभकार को यह ज्ञात हुआ कि प्रियदर्शना उन्मार्ग में प्रस्थित हो गयी है तो उसने उसे सन्मार्ग पर लाना चाहा।
एक दिन प्रियदर्शना कुंभकार के यहां स्वाध्याय-पौरुषी में रत थी। ढंक मृन्मय भांडों का उद्वर्तन कर रहा था। उसने एक अंगारा उछाला, उससे प्रियदर्शना की शाटिका का एक छोर जल गया। उसने कहा—'आर्य! यह शाटिका जल गई।' तब कुंभकार ढंक ने कहा—'तुमने ही तो प्ररूपणा की थी कि दह्यमान अदग्ध है फिर तुम्हारी शाटिका कैसे जल गई?' भगवान् महावीर के वचनानुसार कहा जा सकता है कि दह्यमान दग्ध है न कि तुम्हारी मान्यता के अनुसार। प्रियदर्शना प्रतिबुद्ध हो गयी। वह जमालि को समझाने के लिए गयी पर जमालि ने अपने आग्रह को नहीं छोड़ा। तब साध्वी प्रियदर्शना एक हजार साध्वियों के साथ भगवान् महावीर की शरण में चली गयी।
भगवान् महावीर के समझाने पर भी जमालि की शंका दूर नहीं हुई। असत्प्ररूपणा एवं मिथ्या आग्रह के कारण वह दूसरों को भी शंकित एवं भ्रमित करने लगा। उसने अनेक वर्षों तक मण्य पर्याय का पालन किया तथा बेले-तेले आदि की विविध तपस्याएं कीं। १५ दिन की संलेखना एवं एक मास के संथारे में वह दिवंगत हो गया। अपने दोषों की आलोचना और प्रतिक्रमण किए बिना ही मृत्यु को प्राप्त होकर वह लान्तक देवलोक में तेरह सागरोपम की स्थिति वाला देव बना।
१०२. तिष्यगुप्त और जीव प्रादेशिकवाद ( केवलोत्पत्ति के सोलह वर्ष पश्चात् )
राजगृह नगर के गुणशिलक चैत्य में चतुर्दशपूर्वी आचार्य वसु का आगमन हुआ। वे वहां अपने शिष्य तिष्यगुप्त को आत्मप्रवाद पूर्व पढ़ाने लगे। उसके एक आलापक में शिष्य ने आचार्य से पूछा—'भंते! क्या जीव-प्रदेश को जीव कहा जा सकता है?' आचार्य ने कहा—'उसे जीव नहीं कहा जा सकता। इसी प्रकार दो, तीन, चार, संख्येय, असंख्येय तथा एक प्रदेश न्यून भी जीव नहीं कहे जा सकते। प्रतिपूर्ण असंख्येय प्रदेशात्मक जीव को ही जीव कहा जाएगा।' वह उस प्रसंग से विप्रतिपन्न हो गया। वह मिथ्या प्ररूपणा करने लगा कि अंतिम प्रदेश ही जीव है। गुरु ने समझाया कि जब प्रथम प्रदेश जीव नहीं है तब अंतिम प्रदेश जीव कैसे होगा? जैसे एक तन्तु समस्त पट नहीं होता, सारे तन्तु मिलकर समस्त पट बनते हैं वैसे ही एक प्रदेश जीव नहीं अपितु सारे प्रदेश समुदित रूप से जीव हैं। गुरु के समझाने पर भी वह विप्रतिपन्न-रहा और अपनी असत् प्ररूपणा और मिथ्या-अभिनिवेश से अन्य लोगों को भी विप्रतिपन्न करने लगा।
एक बार वह आमलकल्पा नगरी में गया। वहां अंबशालवन में ठहरा। उस नगरी में मित्रश्री नामक श्रमणोपासक था। मित्रश्री जानता था कि यह निह्नव है फिर भी मायापूर्वक प्रतिदिन उसके पास धर्म-श्रवण करने जाता था। तिष्यगुप्त को संबोध देने के लिए उसने उसे अपने घर भोजन के लिए आमन्त्रित किया। तिष्यगुप्त वहां गया। मित्रश्री ने उसके समक्ष विविध खाद्य पदार्थ प्रस्तुत किए और प्रत्येक पदार्थ का एक-एक छोटा खंड उसे दिया। चावल का एक दाना, सूप की दो-चार बिन्दु और वस्त्र का एक टुकड़ा दिया। तिष्यगुप्त ने सोचा कि यह बाद में पुन: देगा। मित्रश्री दे चुकने के बाद तिष्यगुप्त के चरणों में गिरा। उसने अपने स्वजनों को कहा—'वन्दना करो। आज हम दान देकर धन्य हो गए। यह हमारा सौभाग्य है कि आप स्वयं हमारे घर पधारे।' यह सुनकर तिष्यगुप्त बोला—'तुमने मेरा तिरस्कार किया है।' श्रावक ने कहा—'यह तो आपका सिद्धान्त है कि अन्तिम अवयव ही वास्तविक अवयवी है। मैंने तो आपके सिद्धान्त का पालन किया है अत: तिरस्कार कैसे? यदि यह सत्य नहीं है तो मैं आपको भगवान् महावीर के सिद्धांतानुसार प्रतिलाभित करूं।' प्रतिबोध पाकर तिष्यगुप्त ने श्रावक मित्रश्री से क्षमायाचना की। तब मित्रश्री ने उसे प्रतिलाभित किया। वह शिष्य परिवार के साथ अपने पूर्व दोषों की आलोचना-प्रतिक्रमण करके विहरण करने लगा
१०३. आचार्य आषाढ़ के शिष्य और अव्यक्तवाद ( वीर-निर्वाण के २१४ वर्ष बाद )
श्वेतविका नगरी के पोलाषाढ़ उद्यान में आचार्य आषाढ़ वाचनार्थ समवसृत थे। वे आगाढ़योग से प्रतिपन्न अपने शिष्यों को वाचना दे रहे थे। वाचना देने वाले अन्य कोई आचार्य वहां नहीं थे। एक बार वे अचानक हृदयाघात से पीड़ित हो गए।' वेदना की प्रबलता के कारण वे निश्चेष्ट हो गए। उन्होंने किसी शिष्य को जागृत नहीं किया। वे दिवंगत होकर सौधर्म कल्प के नलिनिगुल्म विमान में उत्पन्न हुए। अवधिज्ञान से उन्होंने अपने निश्चेष्ट शरीर और आगाढ़योग प्रतिपन्न शिष्यों को देखा। शिष्य उनकी मृत्यु से अनजान थे। तब देव उसी मृत शरीर में प्रविष्ट हुआ और शिष्यों को जगाकर बोला—'वैरात्रिक करो।' दिव्य प्रभाव से अध्ययन शीघ्र ही पूरा हो गया। जब शिष्य उस अध्ययन में निष्णात हो गए तब देव प्रकट होकर बोला—'श्रमणो! मुझे क्षमा करो। मैं असंयत होकर तुम सबसे वंदना आदि कराता रहा। मैं तो अमुक दिन ही काल-कवलित हो गया था।' इस प्रकार क्षमायाचना कर देव चला गया। शिष्यों ने मृत शरीर का विसर्जन कर सोचा—'हमने इतने दिनों तक असंयत को वंदना की। यहां सब अव्यक्त है। कौन जाने कौन साधु है और कौन दे? कोई वंदनीय नहीं है। यदि वंदना करते हैं तो असंयमी को भी वंदना हो सकती है अत: अमुक संयमी है, यह कहना मिथ्या है।' बहुत समझाने पर भी शिष्यों ने अपना आग्रह नहीं छोड़ा तब स्थविर मुनियों ने उन्हें संघ से पृथक् कर दिया।
एक बार विहार करते हुए वे राजगृह नगरी में आए। वहां मौर्यवंश में प्रसूत बलभद्र नामक राजा श्रमणोपासक था। उसने साधुओं के आगमन के बारे में सुना। राजा बलभद्र ने अपने पुरुषों को आदेश देकर उनको पकड़वा लिया और हस्ति-सेना के द्वारा साधुओं को मारने का आदेश दिया। साधुओं ने कहा—'तुम श्रावक होकर हमें क्यों मरवा रहे हो? राजा बलभद्र ने कहा—'कौन जानता है साधु वेश में कौन चारिक है? कौन चोर है? आज मैं आपका वध करूंगा।' संतों ने कहा—'हम तपस्वी हैं, आप संदेह न करें। ज्ञान और चर्या के आधार पर साधु और असाधु की पहचान होती है। आप श्रावक होकर हम पर संदेह करते हैं? राजा ने प्रत्युत्तर दिया—'जब आपको भी परस्पर विश्वास नहीं है तब मुझे ज्ञान और चर्या में कैसे विश्वास होगा? आप श्रमण हैं या नहीं? आप सब अव्यक्त हैं। मैं भी श्रमणोपासक हूं या नहीं इस संदेह को छोड़कर आप व्यवहार नय को स्वीकार करें।' इस प्रकार युक्ति से राजा ने संबोध दिया। उन्होंने राजा से क्षमायाचना की और बोले—'हम नि:शंकित रूप से श्रमण-निर्ग्रन्थ हैं।' राजा बोला—'मैंने आपको उपालंभ दिया, आपका तिरस्कार किया, कठोर वचन कहे, मृदु वचन भी कहे। यह सारा प्रतिबोध देने के लिए किया। आप क्षमा करें।' वे पुन: गुरु के पास आए और प्रायश्चित्त लेकर संघ में सम्मिलित हो गए।
१०४. अश्वमित्र और समुच्छेदवाद (वीर-निर्वाण के २२० वर्ष पश्चात्)
मिथिला नगरी में लक्ष्मीगृह नामक चैत्य था। वहां महागिरि आचार्य के शिष्य कौंडिन्य रहते थे। कौंडिन्य अपने शिष्य अश्वमित्र को अनुप्रवादपूर्व के नैपुणिक वस्तु की वाचना दे रहे थे। छिन्न-छेद नय की वक्तव्यता के अनुसार प्रथम समय के नारक विच्छिन्न हो जाएंगे, दूसरे समय के नारक भी विच्छिन्न हो जाएंगे। उत्पत्ति के अनन्तर ही वस्तु विनष्ट हो जाती है अत: उच्छेदवाद में उसको आस्था जम गई। गुरु ने कहा—'यह बात ऋजुसूत्रनय की अपेक्षा से है। सब नयों की अपेक्षा से सत्य नहीं है। गुरु के समझाने पर भी उसने गुरु के कथन को स्वीकार नहीं किया। निह्नव समझकर गुरु ने उसे संघ से अलग कर दिया। वह अपने शिष्यों के साथ समुच्छेदवाद की मिथ्या प्ररूपणा करता हुआ लोगों को भ्रमित करने लगा कि यह सारा लोक शून्य हो जाएगा।
विहार करते हुए वे काम्पिल्यपुर पहुंचे। वहां के खंडरक्ष नामक आरक्षक श्रावक थे। वे शुल्कपाल थे। उन्होंने अश्वमित्र को उसके शिष्यों के साथ पकड़ लिया और सबको पीटने लगे। अश्वमित्र ने कहा कि तुम तो श्रावक हो फिर भी श्रमणों को इस तरह पीट रहे हो? तब श्रावक ने कहा—'जो प्रव्रजित हुए थे वे तो विच्छिन्न हो गए। तुम चोर हो या गुप्तचर कौन जाने? आपको कौन मार रहा है आप तो स्वयं विनष्ट हो रहे हो।' इस प्रकार भय और युक्ति से समझाने पर वे सबुद्ध हो गए और गुरु के पास जाकर प्रायश्चित्त लेकर पुन: संघ में प्रविष्ट हो गए।
१०५. आचार्य गंग और द्वैक्रियवाद ( वीर-निर्वाण के २२८ वर्ष पश्चात् )
उल्लुका नदी के एक तट पर उल्लुकातीर नामक नगर था और दूसरे तट पर 'खेटस्थान' था। वहां आचार्य महागिरि के शिष्य धनगुप्त रहते थे। उनका शिष्य आचार्य गंग था। वे नदी के उस तट पर उल्लुकातीर नगर में निवास कर रहे थे। एक बार आचार्य गंग शरदकाल में अपने आचार्य को वंदना करने नदी के उस तट पर स्थित खेटस्थान में जा रहे थे। वे नदी में उतरे। उनका सिर गंजा था। ऊपर सूरज से सिर तप रहा था और नीचे से पानी शीतल लग रहा था। उन्हें एक क्षण में सिर को सूर्य की गरमी और पैरों को नदी की ठंडक का अनुभव हो रहा था। उनको शंका हो गयी कि सूत्र में कहा है कि एक समय में एक क्रिया का वेदन होता है पर मुझे तो दो क्रियाओं का अनुभव हो रहा है। गुरु ने उनको समझाया कि समय, आवलिका आदि काल की सूक्ष्मता तथा मन की शीघ्रगामिता के कारण तुम क्रिया की पृथक्ता का अनुभव नहीं कर सकते। समझाने पर भी वे समझे नहीं। उनको संघ से पृथक् कर दिया गया। शिष्यों के साथ मिथ्या-प्ररूपणा करते हुए आचार्य गंग दूसरों को भी शंकित करने लगे।
आचार्य गंग संघ से अलग होकर राजगृह नगर में आए। वहां महातपस्तीरप्रभ नामक एक झरना था। वहां मणिनाग नामक नागदेव का चैत्य था। आचार्य गंग ने उस चैत्य में परिषद् के सम्मुख एक समय में दो क्रियाओं के वेदन की बात कही। मणिनाग नामक देव ने परिषद् के मध्य प्रकट होकर कहा—'तुम यह मिथ्या प्ररूपणा क्यों करते हो? इसी स्थान पर मैंने भगवान महावीर के मुख से सुना है कि एक समय में एक ही क्रिया का संवेदन होता है। क्या तुम उनसे ज्यादा जानते हो? तुम अपने मिथ्या वाद को छोड़ो। इससे तुम्हारा अहित होगा।' आचार्य गंग प्रतिबुद्ध हो गए। वे गुरु के पास आए और प्रायश्चित्त पूर्वक संघ में सम्मिलित हो गए।
१०६. रोहगुप्त और त्रैराशिकवाद ( वीर-निर्वाण के ५४४ वर्ष पश्चात् )
अंतरंजिका नामक नगरी में भूतगृह नामक चैत्य था। वहां आचार्य श्रीगुप्त का प्रवास था। उस नगर के राजा का नाम बलश्री था। आचार्य श्रीगुप्त का शिष्य रोहगुप्त दूसरे स्थान पर रहता था। एक दिन वह आचार्य को वंदना करने आया। वहां एक परिव्राजक रहता था, जो पेट पर लोहपट्ट को बांधकर जंबू वृक्ष की शाखा हाथ में लेकर घूमता हुआ कहता था कि ज्ञान से मेरा पेट फूट रहा है इसलिए मैंने पेट पर लोहपट्ट बांध रखा है। इस जंबूद्वीप में कोई मेरे साथ प्रतिवाद करने वाला नहीं है इसलिए मैं हाथ में जंबू वृक्ष की शाखा रखता हूं। लोगों ने उसका नाम पोट्टशाल रख दिया। रोहगुप्त ने उस चुनौती को स्वीकार किया और सारी बात आचार्य को सुनाई। आचार्य ने कहा—'यह परिव्राजक वृश्चिक, सर्प आदि सात विद्याओं में निष्णात है। अत: मैं तुझे इन विद्याओं की प्रतिपक्षी मायूरी, नाकुली आदि सात विद्याएं सिखा देता हुं, जिससे तुम अजेय बन जाओगे।'
आचार्य ने उसे रजोहरण मंत्रित करके देते हुए कहा—'यदि परिव्राजक दूसरी कोई विद्या का प्रयोग करे तो तुम रजोहरण घुमा देना। तुम अजेय हो जाओगे, इन्द्र भी तुम्हें नहीं जीत सकेगा।' रोहगुप्त इन विद्याओं को ग्रहण कर सभा में आया और परिव्राजक को वाद के लिए आमंत्रित किया। रोहगुप्त बोला—पूर्वपक्ष तुम ही प्रस्तुत करो। परिव्राजक ने सोचा इसको इसी के सिद्धान्त से पराजित करना चाहिए इसलिए उसने दो राशियों की स्थापना की। रोहगुप्त ने छिपकली की कटी पूंछ का उदाहरण देकर तीसरी राशि की स्थापना की और कहा—'जैसे दंड के आदि, मध्य और अग्र भाग होता है वैसे ही संसार में सारे पदार्थ तीन राशियों में समाहित हैं। परिव्राजक निरुत्तर हो गया। उसने रुष्ट होकर वृश्चिक आदि अनेक विद्याओं का प्रयोग किया। रोहगुप्त ने प्रतिपक्षी मयूरी आदि विद्याओं से उसको परास्त कर दिया। अंत में उसने गर्दभी को छोड़ा। रोहगुप्त ने उसे रजोहरण से आहत कर दिया। वह परिव्राजक के ऊपर मल विसर्जन करके चली गयी। परिव्राजक को अपमानित करके वहां से भगा दिया गया।
विजयी होकर रोहगुप्त अपने आचार्य के पास आया तब गुरु ने कहा—'जीतकर तुमने परिषद् में यह क्यों नही कहा कि यह अपसिंद्धान्त है। तीसरी नोजीव राशि नहीं होती। रोहगुप्त बोला—'यदि तीन राशि की स्थापना कर दी जाए तो क्या दोष है? आचार्य ने कहा—इस प्रकार की प्ररूपणा तीर्थंकरों की आशातना है अत: तुम पुन: परिषद् में जाकर कहो कि यह हमारा सिद्धान्त नहीं है किन्तु मैंने उसे बुद्धि से पराभूत किया है।' गुरु के बहुत समझाने पर भी अपमान के भय से उसने गुरु की बात को स्वीकृत नहीं किया। वह गुरु के साथ विवाद करने लगा। आचार्य ने सोचा—'यह स्वयं नष्ट होकर दूसरों को भी नष्ट करेगा अत: मैं लोगों के समक्ष राजसभा में इसका निग्रह करूंगा, जिससे लोगों में मिथ्या तत्त्व का प्रचार नहीं होगा।'
राजा बलश्री के समक्ष चर्चा प्रारम्भ हुई। चर्चा करते हुए छह मास बीत गए। राजा ने कहा—'चर्चा से सारा राज्य-कार्य अव्यवस्थित हो रहा है, यह वाद कब समाप्त होगा?' आचार्य ने कहा—'मैंने जान-बूझकर इतना समय बिताया है। मैं कल ही इसका निग्रह कर वाद को समाप्त कर दूंगा।'
दूसरे दिन प्रात: वाद प्रारम्भ हुआ। आचार्य ने कहा—'यदि तीन राशि होती है तो कुत्रिकापण में चलें, वहां सभी वस्तुएं मिलती हैं।' राजा के साथ वे सभी कुत्रिकापण पहुंचे। वहां नोजीव को मांगा। अधिकारी देव ने कहा—'यहां जीव और अजीव हैं। नोजीव की श्रेणी का कोई पदार्थ विश्व में नहीं है।' इस प्रकार आचार्य श्रीगुप्त ने १४४ प्रश्नों के द्वारा रोहगुप्त का निग्रह कर उसे पराजित कर दिया। राजा ने उसको देश निकाला दे दिया। निहव समझकर आचार्य ने उसे संघ से भी पृथक् कर दिया। उसने वैशेषिक सूत्रों की रचना की। उसका गोत्र षडूलक था अत: वह षडूलक नाम से भी प्रसिद्ध हुआ।
१०७. गोष्ठामाहिल और अबद्धिकवाद (वीर-निर्वाण के ५८४ वर्ष पश्चात्)
देवेन्द्र वंद्य आर्यरक्षित विहरण करते हुए दशपुर नगर में पहुंचे। मथुरा में अक्रियवादी सक्रिय थे। लोग अक्रियवाद से प्रभावित हो रहे थे। विशिष्ट व्यक्तियों ने संघ को एकत्रित किया पर वहां कोई वादी नहीं था। आर्यरक्षित युगप्रधान आचार्य हैं, ऐसा सोचकर उनको आमंत्रित करने साधुओं को भेजा गया। आर्यरक्षित वहां आए, उन्हें सारी बात बताई गयी। वे वृद्ध थे अत: उन्होंने गोष्ठामाहिल को वाद हेतु भेजा क्योंकि वह वाक्लब्धि सम्पन्न था। वह वहां गया और अक्रियावादी को पराजित कर दिया। श्रावकों के निवेदन करने पर गोष्ठामाहिल ने वहीं चातुर्मास किया।
एक बार आचार्य आर्यरक्षित ने सोचा कि मेरे बाद गण को धारण करने वाला कौन होगा? क्योंकि जो जानते हुए अपात्र को अपना उत्तराधिकारी बना देता है, वह महापाप का भागी बनता है। उन्होंने दुर्बलिकापुष्यमित्र को इसके योग्य समझा। वहां आचार्य के अनेक स्वजन थे। वे गोष्ठामाहिल या फल्गुरक्षित को उत्तराधिकारी के रूप में योग्य मानते थे। आचार्य ने सबको बुलाकर दृष्टान्त देते हुए कहा—'तीन प्रकार के घट होते हैं—चने से भरा घट, तैल से भृत तथा घी से परिपूर्ण घट। चने के घड़े को उल्टा करने पर सारे चने बाहर निकल जाते हैं। तैल के घड़े से तैल भी बाहर निकल जाता है पर उसका कुछ अंश घड़े के लगा रह जाता है। घी के घड़े को उल्टा करने पर उसका बहुत अंश घड़े के ही लगा रह जाता है। दुर्बलिकापुष्यमित्र ने मुझे चने के घड़े के समान बना दिया है। उसने मुझसे सूत्र, अर्थ तथा उभय-सारा ग्रहण कर लिया है। फल्गुरक्षित द्वारा मैं तेल के घड़े के समान तथा गोष्ठामाहिल द्वारा मैं घृत घट के समान हुआ हूं अत: दुर्बलिकापुष्यमित्र सूत्र और अर्थ से युक्त है। वह इस गण का आचार्य बने। आचार्य आर्यरक्षित के इस कथन को सभी ने एक स्वर से स्वीकार किया। आचार्य ने दुर्बलिकापुष्यमित्र से कहा—'मैंने जैसा व्यवहार फल्गुरक्षित तथा गोष्ठामाहिल के प्रति किया है, वैसा व्यवहार तुम्हें भी रखना है।' तदनन्तर सभी को संबोधित कर बोले—'शिष्यों! जैसा व्यवहार तुम सबने मेरे प्रति किया है वैसा ही दुर्बलिकापुष्यमित्र के प्रति करना। मेरे प्रति किसी ने कुछ किया या नहीं, मैंने कभी क्रोध नहीं किया किन्तु दुर्बलिकापुष्यमित्र किसी को क्षमा नहीं करेगा।' इस प्रकार दोनों पक्षों को शिक्षा प्रदान कर आचार्य भक्तप्रत्याख्यान से पंडित-मरण कर दिवंगत हो गए।
उस समय गोष्ठामाहिल कहीं अन्यत्र विहरण कर रहा था। उसने सुना कि आचार्य आर्यरक्षित दिवंगत हो गए हैं। वह वहां आया और पूछा कि आचार्य ने अपना उत्तराधिकारी किसे बनाया है? उसे तीन घड़ों का दृष्टान्त कह सुनाया। तब वह पृथक् उपाश्रय में उपधि आदि रखकर मूल उपाश्रय में आया। वहां स्थित मुनियों ने आदरभाव से कहा—'आप हमारे साथ यहीं रहें।' उसने वहां रहना स्वीकार नहीं किया। वह अलग उपाश्रय में ही रहा और अन्यान्य लोगों को बहकाने लगा। परन्तु वह अपने प्रयत्न में सफल नहीं हो सका। आचार्य दुर्बलिकापुष्यमित्र अर्थपौरुषी कर रहे थे। गोष्ठामाहिल उसे नहीं सुनता और लोगों से कहता—'जाओ, निष्पावकुट वाले आचार्य से सुनो।' आचार्य जब अर्थपौरुषी सम्पन्न कर देते तब मुनि विन्ध्य उनके पश्चात् प्रवचन करता। वह आठवें पूर्व कर्मप्रवाद के आधार पर कर्म का विवेचन करते हुए कर्म और जीव का संबंध कैसे-कैसे होता है—इस पर प्रकाश डाल रहा था। जीव के साथ कर्म का संबंध तीन प्रकार का होता है—बद्ध, सृष्ट और निकाचित। बद्ध जैसे तंतु से बंधा हुआ सूची-समूह। स्पृष्ट जैसे—घन से कूट कर एक किया हुआ सूचीकलाप तथा निकाचित जैसे सूचीकलाप को तपाकर, घन से पीटकरएक कर देना। इसी प्रकार जीव राग-द्वेष से कर्मबंध करता है। वह अपने राग-द्वेष के परिणाम को न छोड़कर उन्हें स्पृष्ट कर लेता है तथा उन्हीं संक्लिष्ट परिणामों से उन्हें निकाचित कर लेता है। निकाचित कर्म निरुपक्रम उदय से संवेदित होता है, अन्यथा उसका वेदन नहीं होता। यह सुनकर गोष्ठामाहिल बोला—'ऐसा नहीं होता। हमने ऐसा कभी नहीं सुना। यदि कर्म इस प्रकार बद्ध, स्पृष्ट और निकाचित होते हैं तो मोक्ष कभी नहीं होगा।' उसने पूछा—'आप बताएं यह कैसे होता है?' गोष्ठामाहिल बोला—'सुनो, केंचुली पहने पुरुष का केंचुली स्पर्श करती है, किन्तु वह शरीर से आबद्ध नहीं है। इसी प्रकार कर्म भी जीव-प्रदेशों के साथ स्पष्ट हैं, बद्ध नहीं हैं, जिसके कर्म बद्ध हैं, उसके कर्मों की व्युच्छित्ति कभी नहीं होगी। आचार्य ने हमें इतना ही बताया है। मुनि विन्ध्य इसे नहीं जानता।' तब मुनि विन्ध्य शंकाशील हो गया और उसने सोचा कि मैंने कहीं अन्यथा तो ग्रहण नहीं कर लिया है। वह आचार्य दुर्बलिकापुष्यमित्र के पास गया। आचार्य ने कहा—'विन्ध्य तुमने जो कहा वह सत्य है, गोष्ठामाहिल की प्ररूपणा मिथ्या है।' विन्ध्य ने जाकर गोष्ठामाहिल से यह बात कही कि आचार्य ने इस प्रकार कहा है। फिर भी गोष्ठामाहिल इसी आशा से वहां रहने लगा कि मैं कुछेक शिष्यों को विपरीतगामी बना डालूंगा।
नौवें पूर्व प्रत्याख्यान के प्रकरण में 'यावज्जीवन तीन करण तीन योग से प्राणातिपात का प्रत्याख्यान करता हूं'—इस प्रकार प्रत्याख्यान करने का विधान है। गोष्ठामाहिल बोला—'यह अपसिद्धांत है।' उससे इसका कारण पूछा गया। उसने कहा—'समस्त प्राणातिपात का मैं प्रत्याख्यान करता हूं अपरिमाण से। तीन करण तीन योग से परिमाण क्यों नहीं किया जाता? ऐसा करने से आशंसा दोष निवर्तित हो जाता है। यावज्जीवन कहने से परिमाण से आगे अभ्युपगम होता है इसलिए अपरिमाण से प्रत्याख्यान करना चाहिए।' मुनि विन्ध्य ने उसे आगम युक्तियों से समझाने का प्रयत्न किया, पर वह नहीं समझा। सब मुनि बोल उठे—'आचार्य ने ऐसी ही प्ररूपणा की थी।' अन्य गच्छवासी स्थविरों ने भी आचार्य की प्ररूपणा का समर्थन किया। तब गोष्ठामाहिल बोला—'तुम सब नहीं जानते, तीर्थंकरों ने ऐसा ही कहा है।' सभी बोले—'गोष्ठामाहिल! तुम नहीं जानते।' जब वह नहीं समझा तब संघ को एकत्रित किया गया। देवता के आह्वान के लिए कायोत्सर्ग किया गया। जो श्रद्धालु देवता था, वह प्रकट होकर बोला—'क्या प्रयोजन है?' तब देवता से कहा—'तुम जाओ और तीर्थंकर से पूछो कि गोष्ठामाहिल जो कह रहा है वह सच है अथवा दुर्बलिकापुष्यमित्र आदि श्रमण कह रहे हैं, वह सच है?' तब देवता बोला—'मुझे अनुबल दें।' गमन में प्रतिघात न आए इसलिए संघ ने कायोत्सर्ग किया। वह तीर्थंकर के पास गया और पूछा। तीर्थंकर बोले—'संघ सम्यग्वादी है, गोष्ठामाहिल मिथ्यावादी है। यह सातवां निहव है।' देवता वहां से आकर बोला—'कायोत्सर्ग पूरा करें।' संघ ने कायोत्सर्ग पूरा किया। देवता बोला—तीर्थंकर ने कहा है कि संघ सत्यवादी और गोष्ठामाहिल मिथ्यावादी है। यह सातवां निहव है।' गोष्ठामाहिल ने यह सुना। वह तिलमिलाकर बोला—'यह अल्पर्द्धिक देव है। इसमें वहां तक पहुंचने की शक्ति ही कहां है?' उसने देवता के कथन पर भी विश्वास नहीं किया। तब पुष्यमित्र आदि मुनियों ने गोष्ठामाहिल से कहा—'मुने! संघ की बात आप मान लें अन्यथा आपको संघ-विच्छेद करना होगा।' उसने उनकी बात स्वीकार नहीं की। संघ ने उससे बारह प्रकार का संभोग तोड़ दिया। आलोचना और प्रतिक्रमण किए बिना ही वह कालगत हो गया।
१०८. शिवभूति और बोटिकवाद ( वीर-निर्वाण के ६०९ वर्ष पश्चात् )
रथवीरपुर नामक एक ग्राम में दीपक उद्यान था। वहां आचार्य आर्य कृष्ण समवसृत थे। वहां शिवभूति नामक एक साहसिक मल्ल था। वह राजा के पास आजीविका हेतु आया। राजा ने कहा—'मैं पहले तुम्हारी परीक्षा लूंगा।' राजा ने मल्ल को कहा—'तुम कृष्णा चतुर्दशी को श्मशान में देवी चामुण्डा के मंदिर में बलि देकर आओ।' उसे शराब और पशु दे दिए। कुछ लोगों को राजा ने श्मशान में उसे डराने के लिए पहले ही भेज दिया। वह श्मशान में जाकर देवी को बलि देकर पशुओं का मांस पकाकर स्वयं खाने लगा। राजपुरुष विविध प्रकार को ध्वनियों से भय-भैरव उत्पन्न करने लगे लेकिन भय तो दूर, उसको रोमाञ्च भी नहीं हुआ। राजपुरुषों ने राजा को सारा वृत्तान्त सुनाया। राजा ने उसे आजीविका दे दी।
एक बार राजा ने अपने सेनानायक को आज्ञा दी कि मथुरा पर विजय प्राप्त करो। रक्षक पूरी सेना के साथ मथुरा को जीतने के लिए चले। कुछ दूर जाने पर सेनानायक ने कहा—'हमने राजा से यह नहीं पूछा कि कौन सी मथुरा जीतनी है? मथुरा दो हैं (पांडु मथुरा तथा दक्षिण मथुरा) राजा ने भी इस ओर इंगित नहीं दिया।' वे भयभीत हो गए। तब शिवभूति ने कहा—'हम एक साथ दोनों मथुरा जीतेंगे।' सैनिकों ने कहा—'यह संभव नहीं है। दोनों मथुराएं दो ओर हैं। एक-एक को जीतने में बहुत समय लगेगा।'
शिवभूति ने कहा—'जो दुर्जय है, वह मुझे दे दो।' वह पांडु मथुरा की ओर गया। वहां वह प्रत्येक ग्रामवासियों को पीड़ित करने लगा और स्वयं दुर्ग को जीतकर वहां स्थित हो गया। वह मथुरा नगरी को जीतकर राजा के पास आया। राजा प्रसन्न होकर बोला—'मैं तुम्हें क्या उपहार दूं?' उसने चिंतन कर कहा—'मैंने जो जीता है, वह सुविजित है। अब मैं वहां जो चाहूं करूं—ऐसा आप मुझे वरदान दें।' राजा ने स्वीकृति दे दी।
शिवभूति प्रतिदिन आधी रात तक बाहर घूमता रहता था। जब तक वह घर नहीं पहुंचता, तब तक उसकी पत्नी न खाना खाती थी और न ही सोती थी। एक दिन वह अपनी सास से कलह करती हुई बोली—'तुम्हारा पुत्र प्रतिदिन आधी रात को आता है, तब तक में भूख से व्याकुल होकर जागती रहती हूं।' सास ने बहु से कहा—'जब वह आए तब द्वार मत खोलना। आज रात को मैं जागूंगी।' रात को शिवभूति आया लेकिन पत्नी ने द्वार नहीं खोला। उसको तिरस्कृत करते हुए मां ने कहा—'इस आधी रात में जहां द्वार खुला मिले, वहीं चले जाओ।' नियति से उसने साधु के उपाश्रय के द्वार खुले देखे। वह उपाश्रय के अंदर गया। साधुओं को वंदना की और कहा कि मुझे भी प्रव्रजित कर लो। साधुओं ने इन्कार कर दिया पर उसने स्वयं लोच कर लिया। साधुओं ने उसे मुनिवेश धारण करवा दिया। वे सभी वहां से विहार कर गए।
एक बार वे पुन: उसी नगरी में आए। राजा को ज्ञात हुआ कि शिवभूति प्रव्रजित होकर यहां आया है तो उसने उसे कंबल-रत्न दिया। आचार्य ने कहा—'मुनियों को इस बहुमूल्य वस्त्र से क्या प्रयोजन है? इस कंबल-रत्न को क्यों ग्रहण किया—ऐसा कहकर मुनियों ने बिना पूछे ही कंबल को फाड़ दिया और उसकी निषद्या बना दी। तब वह कुपित हो गया।
एक बार आचार्य जिनकल्पिक की चर्या का वर्णन कर रहे थे। उन्होंने कहा—'जिनकल्पिक मुनि दो प्रकार के होते हैं—पाणिपात्र और पात्रधर। सवस्र और निर्वस्त्र।' इनके भी दो-दो प्रकार हैं। शिवभूति ने पूछा—'आज ऐसा क्यों नहीं हो सकता?' आचार्य बोले—'जिनकल्पिक आज व्युच्छिन्न हो गया है।' उसने कहा—'मेरे लिए यह व्युच्छिन्न नहीं है। परलोकोर्थी मुनि को यही ग्रहण करना चाहिए। सर्वथा निष्परिग्रह ही श्रेयस्कर है।' आचार्य के निषेध करने पर भी शिवभूति आग्रहवश अपने सारे वस्त्र छोड़कर वहां से निकल गया। उसकी बहन उसको वंदना करने गई। उसको देखकर वह भी निर्वस्त्र हो गई। वह भिक्षा लेने गई। एक वेश्या ने उसे देखकर सोचा—'यह हमारी वेश्यावृत्ति को समाप्त कर देगी।' उसने उसे लज्जा-स्थान के आवरण के लिए एक वस्त्र दिया। वह नहीं चाहती थी। शिवभूति ने कहा—'इसे ग्रहण कर लो। ऐसा मानो कि यह देव-प्रदत्त है।' शिवभूति ने दो शिष्य प्रव्रजित किए—कौडिन्य और कोट्टवीर। आगे यह परम्परा चली।
१०९. वल्कलचीरी
गणधर सुधर्मास्वामी चंपा नगरी में समवसृत हुए। राजा कोणिक वंदना करने गया। उसकी दृष्टि मुनि जंबू पर पड़ी उसका रूप-लावण्य देखकर वह विस्मित हुआ। उसने सुधर्मा से पूछा—'भगवन्! इस महती परिषद् में यह मुनि घृत से सिंचित अग्नि की भांति दीप्त और मनोहर है। इसका क्या कारण है? क्या मैं यह मानूं कि इसने पूर्वजन्म में शील का पालन किया, तपस्या की अथवा दान दिया, जिससे इसको ऐसी शरीर-संपदा प्राप्त हुई है?
सुधर्मा बोले—'राजन्! सुनो। तुम्हारे पिता महाराज श्रेणिक ने भगवान् महावीर से प्रश्न पूछा तब महावीर ने कहा—एक बार मैं (महावीर) राजगृह नगर के गुणशील चैत्य में ठहरा हुआ था। राजा श्रेणिक तीर्थंकर की उपासना करने के लिए अपने प्रासाद से निकला। उसके आगे-आगे दो पुरुष अपने-अपने कुटुंब की बात करते हुए चल रहे थे। उन्होंने एक मुनि को आतापना लेते हुए देखा। वह मुनि दोनों बाहुओं को ऊपर उठाए हुए एक पैर पर खड़ा था। उनमें से एक बोला—'अहो! यह महात्मा ऋषि सूर्याभिमुख होकर आतापना ले रहा है। इसके स्वर्ग और मोक्ष तो हस्तगत ही मानना चाहिए।' दूसरे व्यक्ति ने मुनि को पहचान लिया। वह बोला—'क्या तुम नहीं जानते कि यह महाराज प्रसन्नचन्द्र है। इसके कैसा धर्म? इसने बालक को राज्य देकर अभिनिष्क्रमण किया है। वह बाल-राजा मंत्रियों द्वारा राज्यच्युत कर दिया जाएगा। इसने राज्य का नाश कर डाला। न जाने इसके अन्त:पुर का क्या होगा?'
ध्यान में व्याघात करने वाले इन वचनों को मुनि ने सुना और सोचा—'अहो! वे अनार्य अमात्य मेरे द्वारा प्रतिदिन सम्मानित होते रहे हैं। अब वे मेरे पुत्र से विपरीत हो गए हैं।' यदि मैं वहां होता और वे इस प्रकार करते तो मैं उन पर अनुशासन करता। यह सोचते मुनि को वह कारण वर्तमान में घटित होने जैसा दिखाई देने लगा अत: वह मन ही मन उन अमात्यों के साथ युद्ध करने लगा। उसी समय तीर्थंकर के दर्शनार्थ प्रस्थित महाराज श्रेणिक वहां आए। मुनि को देखकर उसने विनयावनत होकर वंदना की और देखा कि मुनि ध्यान में अडोल खड़े हैं। उसने मन ही मन सोचा—'अहो! आश्चर्य है कि राजर्षि प्रसन्नचन्द्र में तपस्या का इतना सामर्थ्य है।' यह सोचता हुआ राजा श्रेणिक तीर्थंकर महावीर के पास पहुंचा। विनयपूर्वक वंदना कर उसने भगवान् से पूछा—'भगवन्! जिस समय मैंने अनगार प्रसन्नचन्द्र को वंदना की, उस समय यदि वे कालगत हो जाते तो उनकी कौनसी गति होती?' भगवान् बोले—'सातवीं नरक।' श्रेणिक ने सोचा—'मुनियों का नरक-गमन कैसे?' पुन: उसने भगवान् से पूछा—'भगवन्! प्रसन्नचन्द्र यदि अब कालगत हो जाए तो कौन सी गति में जायेंगे?' भगवान् बोले— 'सर्वार्थसिद्ध महाविमान में।' श्रेणिक बोला—'यह दो प्रकार का कथन कैसे? तपस्वियों का नरक और देवगति में गमन एक साथ कैसे?' भगवान् ने कहा—'ध्यान-विशेष से ऐसा होता है। इन ध्यान अवस्थाओं में उसकी ध्यान-संपदा ऐसी थी कि उसने असात और सात वेदनीय कर्मों का आदान किया।' श्रेणिक ने पूछा—'भगवन्! यह कैसे हुआ?' भगवान् बोले—'तुम्हरे आगे चलने वाले पुरुष के मुंह से अपने पुत्र का परिभव सुनकर मुनि ने प्रशस्तध्यान छोड़ दिया। जब तुम उसे वंदना कर रहे थे तब वह मुनि अपने अधीनस्थ अमात्यों से सेना के साथ युद्ध कर रहा था अत: उस समय वह अधोगति के योग्य हो गया।' तुम वहां से आगे बढ़ गए। तब मुनि प्रसन्नचन्द्र यान-करण आदि युद्ध-सामग्री की शक्ति से अपने आपको रहित जानकर, शीर्षत्राण से शत्रु पर प्रहार करूं यह सोचकर सिर पर हाथ रखा। लुंचित सिर पर हाथ रखते हुए उसने प्रतिबुद्ध होकर सोचा—'अहो! अकार्य! अहो! अकार्य! मैंने राज्य को छोड़ दिया। परन्तु यतिजनविरुद्ध मार्ग में प्रस्थित हो गया।' यह सोचकर मुनि अपने कृत्य की निन्दा-गर्हा करता हुआ मुझे वंदना कर मूल स्थान में आरूढ़ होकर आलोचना-प्रतिक्रमण कर प्रशस्त ध्यान में संलग्न हो गया। उस प्रशस्तध्यान से मुनि ने सारे अशुभ कर्मों का नाश कर पुण्य अर्जित किया। इन दो काल-विभागों के आधार पर दो प्रकार की गतियों का कथन किया है।
तब कोणिक ने सुधर्मा से पूछा—'भगवन्! प्रसन्नचन्द्र बालकुमार को राज्य सौंपकर कैसे प्रव्रजित हो गया? यह वृत्तान्त मैं सुनना चाहता हूं।' तब सुधर्मास्वामी बोले—'पोतनपुर का राजा सोमचन्द्र अपनी पटरानी धारिणी के साथ गवाक्ष में बैठा था। रानी राजा के केशों को संवार रही थी।' उसने श्वेत केश को देखकर कहा—'स्वामिन्! दूत आ गया है।' राजा ने चारों ओर देखा। उसे कोई दूसरा व्यक्ति दिखाई नहीं दिया तब वह बोला—'देवी! तुम्हें दिव्यचक्षु प्रात हैं।' तब रानी ने राजा को सफेद केश दिखाते हुए कहा—'राजन्! यह धर्मदूत है।' यह देखकर राजा का मन खिन्न हो गया। यह जानकर देवी बोली—'क्या आप वृद्धत्व के भावों से लज्जित हो रहे हैं? पटहवादन से इस वृद्धत्व का निवारण करवा लो।' राजा बोला—'देवी! ऐसी कोई बात नहीं है। कुमार अभी बालक है। वह प्रजापालन में असमर्थ है—यह सोचकर ही मेरा मन खिन्न हुआ है। मैंने अपने पूर्वजों के मार्ग का अनुसरण नहीं किया, यही विचार मुझे खिन्न कर रहा है। तुम कुमार प्रसन्नचन्द्र का संरक्षण करती हुई घर में ही रहो।' देवी ने इसको मानने से इन्कार कर दिया।
तब राजा ने राज्य-परित्याग का निश्चय कर पुत्र को राज्यभार संभलाकर एक धायमाता तथा रानी के साथ दिशाप्रोक्षित तापस के रूप में दीक्षा ग्रहण कर ली। वह चिरकाल से शून्य आश्रम में निवास करने लगा। दीक्षित होते समय रानी गर्भवती थी। गर्भ वृद्धिंगत होने लगा। प्रसन्नचन्द्र के चारपुरुषों ( गुप्तचरों) ने उसे यह बात बताई। समय पूरा होने पर रानी ने एक बालक को जन्म दिया। उसे वल्कल में रखने के कारण बालक का नाम वल्कलचीरी रखा। वह इसी नाम से प्रसिद्ध हो गया। विसूचिका रोग से ग्रस्त होकर रानी मर गई तब धायमाता ने बालक को वनमहिषी के दूध से पालन-पोषण. किया। कुछ ही समय के पश्चात् धायमाता भी काल-कवलित हो—गई। ऋषि रूप, में सोमचन्द्र वल्कलचीरी के लालन-पालन में कठिनाई का अनुभव करता था। ज्यो-ज्यों बालक बड़ा होने लगा, महाराज प्रसन्नचन्द्र अपने गुप्तचरों से प्रतिदिन वल्कलचीरी के विषय में जानकारी प्राप्त करता रहता। जब बालक बड़ा हुआ तब चित्रकारों ने उसका चित्रांकन कर राजा प्रसन्नचन्द्र को दिखाया। तब महाराज प्रसन्नचन्द्र ने स्नेह के वशीभूत होकर लघुवयवाली गणिकाओं को ऋषि का रूप धारण कराकर उसके पास भेजा और कहा—'तुम वल्कलचीरी को विविध प्रकार के फलों के टुकड़ों से, मीठे वचनों से तथा शरीर के स्पर्श से लुभाओ। वे ऋषिवेश में आश्रम में गई और ऋषि वल्कलचीरी को गुप्त रूप में विविध फलों से, मीठे वचनों से तथा सुकुमाल, पीवर और उन्नत स्तनों के पीलन रूप स्पर्श से उसे मोहित किया। उनमें लुब्ध होकर उसने उनके साथ जाने का संकेत दे दिया। जब वह अपने तापस उपकरणों को एकत्र संस्थापित करने के लिए वहां से गया तब वृक्ष पर आरूढ़ चारपुरुषों ने उन गणिकाओं को संकेत दिया कि ऋषि आ रहे हैं। वे गणिकाएं वहां से खिसक गई। वल्कलचीरी उन गणिकाओं के मार्ग का अनुसरण करता हुआ आगे बढ़ने लगा परन्तु उन्हें न देखकर अन्य मार्ग से चला और एक अटवी में पहुंच गया।
अटवी में भटकते हुए उसने रथ में बैठे एक व्यक्ति को देखकर पूछा—'तात! मैं तुम्हारा अभिवादन करता हूं।' रथिक ने पूछा—'कुमार! तुम कहां जाना चाहते हो?' वह बोला—'पोतन नामक आश्रम में जाना चाहता हूं। तुम कहां जाओगे?' रथिक बोला—'मैं भी वहीं जा रहा हूं।' वल्कलचीरी उनके साथ चल पड़ा। वह रथिक की पत्नी को 'तात ' इस सबोधन से संबोधित करने लगा। पत्नी ने रथिक से पूछा—'यह कैसा उपचार-संबोधन?' रथिक बोला—'सुंदरी! यह कुमार स्त्री-विरहित आश्रम में बड़ा हुआ है इसलिए यह विशेष कुछ नहीं जानता। इस पर कुपित नहीं होना चाहिए।' घोड़ों को देखकर वह बोला—'तात! इन मृगों को रथ में क्यों जोता गया है?' रथिक बोला—'कुमार! इस कार्य में ये ही लगाए जाते हैं, इसमें कोई दोष नहीं है।' रथिक ने कुमार को मोदक दिए। कुमार बोला—'पोतन आश्रमवासिंयों ने भी मुझे पहले ऐसे ही फल दिए थे।
वे आगे बढ़े। मार्ग में एक चोर मिला। रथिक ने उसके साथ युद्ध प्रारंभ कर दिया। रथिक ने उस पर गाढ प्रहारं किया। चोर उसको युद्ध-शिक्षा से परितुष्ट होकर बोला—'हे वीर! मेरे पास विपुल धन है। तुम उसे ले लो। तब तीनों ने रथ को धन से भर दिया। आगे चलते हुए वे पोतन नगर में पहुंचे। वल्कलचीरी को कुछ धन समर्पित कर उसे उदक की गवेषणा करने के लिए विसर्जित कर दिया। वह घूमता हुआ एंक गंणिका के घर में प्रविष्ट हुआ। गणिका बोली—'तात! मैं तुम्हारा अभिवादन करती हूं।' वल्कलचीरी बोला—'इतना मूल्य लेकर मुझे उदक दो।' गणिका बोली—'पहले मैं तुम्हें यहां निवास देती हूं।' उसने नापित को बुला भेजा। वल्कलचीरी नख-परिकर्म करवाना नहीं चाहता था। उसके वल्कल उतार दिए गए। उसको ज्योंहि स्नान कराने का उपक्रम किया गया, वह बोला—'मेरा ऋषिवेश मत उतारो।' तब गणिका ने कहा—'जो यहां उदकार्थी आते हैं, उनके साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाता है।' फिर उसको स्नान करवाया और विशेष वस्त्र पहनाए। अनेक आभूषणों से उसको अलंकृत किया और गणिका की कन्या के साथ उसका पाणिग्रहण कर दिया। तब वे गणिकाएं वधूवर संबंधी गीत गाने बैठ गई।
इधर कुमार वल्कलचीरी को लुब्ध करने के लिए ऋषिवेश में भेजी गई गणिकाएं भी वहां आ पहुंचीं। उन्होंने आकर राजा प्रसन्नचन्द्र से कहा—'कुमार अटवी में चला गया। हम ऋषि के भय से उसे बुला नहीं सकों।' यह सुनकर राजा विषण्ण हो गया। अहो! अकार्य हो गया। न कुमार पिता के पास ही रह सका और न यहां ही आया। पता नहीं, उसके साथ क्या हुआ होगा? राजा चिंतातुर हो गया। इतने में ही उसके कानों में मृदंग की ध्वनि पड़ी। उसका मन दु:खी हो गया। उसने सोचा—'मैं दु:खी हो रहा हूं। कौन दूसरा व्यक्ति इस प्रकार नृत्य-गीत से क्रीड़ा कर रहा है?' गणिका को यह बात एक व्यक्ति ने कही। वह आई और प्रसन्नचन्द्र महाराज के चरणों में गिरकर बोली—'देव! एक नैमित्तिक ने मुझे यह बताया था कि अमुक दिन, अमुक वेला में जो तरुण तापसवेश में तुम्हारे घर आए, उसे उसी समय अपनी दारिका दे देना, उसके साथ दारिका का विवाह कर देना। वह उत्तम पुरुष है। उसके साथ वह दारिका विपुल सौख्यभागिनी होगी। नैमित्तिक ने मुझे जैसा बताया था, वैसा तरुण आज मेरे घर पर आया। नैमित्तिक के कथन को प्रमाण मानकर मैंने अपनी दारिका उसे दे दी। उसके निमित्त यह उत्सव मनाया जा रहा है। मुझे ज्ञात नहीं था कि आपका कुमार भाग गया है। आप मेरा अपराध क्षमा करें।' राजा ने अपने आदमियों को भेजा। जिन लोगों ने कुमार को पहले उद्यान में देखा था, वे गए और कुमार को पहचान लिया। उन्होंने आकर राजा को प्रिय बात सुनाई। तब राजा स्वयं गणिका के घर गया। उसने चांद की भांति सोमलेश्या से युक्त कुमार को देखा। राजा का मन परम प्रीति से आप्लावित हो गया। वह वधूसहित कुमार को अपने प्रासाद में ले गया। सदृश कुल, रूप, यौवन आदि गुणों से युक्त कन्याओं के साथ उसका पाणिग्रहण हुआ। राज्य का संविभाग प्राप्त कर कुमार चल्कलचीरी सुखपूर्वक रहने लगा।
उस रथिक को चोर द्वारा प्रदत्त धन ले जाते हुए देखकर राजपुरुषों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया। राजकुमार वल्कलचीरी ने प्रसन्नचन्द्र को ज्ञात कराकर उसे मुक्त करवा दिया।
इधर राजर्षि सोमचन्द्र कुमार को आश्रम में न देखकर शोकसागर में डूब गया। महाराज प्रसन्नचन्द्र द्वारा भेजे गए पुरुषों ने आकर कहा—'हमने पोतनपुर में राजा के पास कुमार को देखा है।' यह सुनकर राजर्षि आश्वस्त हुआ। फिर भी प्रतिदिन कुमार की स्मृति करने के कारण वह अंधा हो गया। वह दयार्द्र ऋषियों के साथ वहीं आश्रम में रहने लगा।
कुमार वल्कलचीरी को राजप्रासाद में रहते बारह वर्ष बीत गए। एक बार आधी रात बीत जाने पर वह जाग गया और अपने पिता के विषय में चिंतन करने लगा। उसने सोचा—'मैं निर्घुण हूं। न जाने मेरे से विरहित मेरे पिता कहां हैं?' उसके मन में पिता के दर्शन की उत्सुकता जाग गई। प्रभात हुआ। वह महाराज प्रसन्नचन्द्र के पास जाकर बोला—'देव! पिता को देखने की मेरी उत्कंठा जाग गई है। आप मुझे विसर्जित करें।' प्रसन्नचन्द्र ने कहा—'हम साथ चलते हैं।' वे आश्रम में गए और राजर्षि से बोले—'प्रसन्नचन्द्र प्रणाम करता है।' चरणों में लुठते प्रसन्नचन्द्र का राजर्षि ने हाथ से स्पर्श किया और कहा—'पुत्र! नीरोग तो हो?' वल्कलचीरी ने प्रणाम किया। राजर्षि ने चिर समय तक उसे आलिंगित किया। आंखों से आसुंओं की बाढ़ चल पड़ी। राजर्षिं के नयन खुल गए। दोनों पुत्रों को देखकर राजर्षि परम संतुष्ट हुए। बीते समय की सारी बातें उनसे पूछी। कुमार वल्कलचीरी उटज में यह देखने के लिए गया कि राजर्षि पिता के तापस-उपकरण प्रतिलेखित होते हुए किस स्थिति में हैं? वह उटज में गया और अपने उत्तरीय के पल्ले से उनकी प्रतिलेखना करने लगा। अन्यान्य उपकरणों की प्रतिलेखना कर चुकने के पश्चात् ज्योंही वह पात्र-केसरिका की प्रतिलेखना करने लगा तो प्रतिलेखना करते—करते उसने सोचा—'मैंने ऐसी क्रियाएं पहले भी की हैं।' वह विधि का अनुस्मरण करने लगा। तदावरणीय कर्मों का क्षयोपशम होने पर उसे जातिस्मृति ज्ञान उत्पन्न हो गया। उससे देवभव, मनुष्यभव तथा पूर्वाचरित श्रामण्य की स्मृति हो आई। इस स्मृति से उसका वैराग्य बढ़ा। धर्मध्यान से अतीत हो, विशुद्ध परिणामों में बढ़ता हुआ, शुक्ल-ध्यान की दूसरी भूमिका का अतिक्रमण कर, ज्ञान-दर्शन, चारित्र और मोहान्तराय को नष्ट कर वह केवली हो गया। वह उटज से बाहर निकला। उसने पने पिता राजर्षि सोमचन्द्र तथा महाराज प्रसन्नचन्द्र को जिनप्रज्ञप्त धर्म का उपदेश दिया। दोनों को सम्यक्त्व की प्राप्ति हुई। दोनों ने केवली को सिरनमाकर प्रणाम किया। वे बोले—'तुमने हमको अच्छा मार्ग दिखाया। प्रत्येकबुद्ध वल्कलचीरी पिता को साथ ले वर्द्धमानस्वामी के पास गया। महाराज प्रसन्नचन्द्र अपने नगर में चले गए। तीर्थंकर भगवान् महावीर विहरण करते हुए पोतनपुर के मनोरम उद्यान में समवसृत हुए। महाराज प्रसन्नचन्द्र को वल्कलचीरी के उपदेश से वैराग्य उत्पन्न हुआ। तीर्थंकर के वचनों से उसका उत्साह बढ़ा और वह बाल-पुत्र को राज्यभार संभलाकर प्रव्रजित हो गया। उसने सूत्रार्थ का ज्ञान प्राप्त कर लिया। तप और संयम से अपने आपको भावित करता हुआ राजर्षि प्रसन्नचन्द्र मगधपुरी (राजगृह) में आए। वहां वे आतापना ले रहे थे। महाराज श्रेणिक ने उनको सादर वंदना की। यह उनके निष्क्रमण की कहानी है।
भगवान् महावीर श्रेणिक के समक्ष प्रसन्नचन्द्र राजर्षि के अशुभ-शुभ ध्यान के कारण नरक-देवगति की उत्कृष्ट स्थिति का वर्णन कर रहे थे, इतने में ही राजर्षि जहां आतापना में स्थित थे, वहां देवों का उपपात हो रहा था। श्रेणिक ने भगवान् से पूछा—'भगवन्! यह देव-संपात क्यों हो रहा है?' भगवान् बोले—'अनगार प्रसन्नचन्द्र को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई है इसलिए देव आ रंहे हैं।' फिर श्रेणिक ने पूछा—'भगवन्! केवलज्ञान कब-किससे व्युच्छिन्न होगा?' उस समय ब्रह्मलोक का देवेन्द्र सामानिक विद्युन्माली देव ने तेज से दसों दिशाओं में उद्योत करता हुआ वंदना करने आया। भगवान् ने श्रेणिक को दिखाया कि यही अंतिम केवली होगा।
११०. अनुकम्पा से सामायिक (बोधि) की प्राप्ति
द्वारिका में कृष्ण वासुदेव के दो वैद्य थे—धन्वन्तरी और वैतरणी। धन्वन्तरी अभव्य था और वैतरणी भव्य। वैतरणी ग्लान साधुओं की प्रेमपूर्वक सेवा करता था। वह उनको प्रासुक औषधि बताता और जो औषधियां उसके पास होतीं, वह उन साधुओं को देता था। धन्वन्तरी ऐसी सावद्य औषधियां बताता, जो साधुओं के प्रायोग्य नहीं होती थीं। साधु कहते'—वैद्यराज! ये औषधियां हमारे योग्य कहां हैं?' वह कहता—'मैंने श्रमणों के लिए वैद्यकशास्त्र पढ़ा है क्या?' वे दोनों वैद्य महारंभी और महापरिग्रही थे। वे पूरी द्वारिका में चिकित्सा करते थे। एक बार वासुदेव कृष्ण ने तीर्थंकर से पूछा—'ये वैद्य ढंक आदि अनेक प्राणियों का वध करते हैं। यहां से मरकर कहां जायेंगे?' तब तीर्थंकर बोले—'यह धन्वन्तरी वैद्य अप्रतिष्ठान नरक में उत्पन्न होगा और वैतरणी वैद्य कालंजर अटवी के पास बहती गंगा और विन्ध्य के मध्य में वानर के रूप में उत्पन्न होगा।' अवस्था प्राप्त होने पर वह वानर-यूथपति बन जायेगा। वहां एक बार साधुओं का यूथ आएगा। एक साधु के पैर में कांटा लगेगा। कांटा अपरिहार्य होगा। अन्य साधु कहेंगे—'कांटे की पीड़ा का शमन होने तक हम यहीं रहेंगे।' तब वह साधु कहेगा—'आप सभी यहां रहकर मरने के बदले यहां से प्रस्थान कर दें, मैं अकेला अनशन कर लूंगा।' वह जबरन वहां रह जाएगा। कांटा नहीं निकलने से वह एक छायादार भूभाग में जाकर बैठ जाएगा। दूसरे मुनि चले जाएंगे। तब वह वानरयूथाधिपति उस प्रदेश में आएगा, जहां वह साधु बैठा था। वहां पहले से आए हुए वानर 'किलकिल' शब्द करेंगे। उनकी किलकिलाहट सुनकर यूथाधिपति रुष्ट होकर वहां आएगा। साधु को ध्यान से देखकर ईहा-अपोह करते हुए उसे ज्ञात होगा कि मैंने ऐसा रूप कहीं देखा है। जातिस्मृति के द्वारा उसे द्वारिका की स्मृति होगी। तब वह मुनि को वंदना करके उनके पैर में चुभे शल्य को देखेगा। उसे चिकित्सा की पूरी विधि का स्मरण होगा। वह तत्काल पर्वत पर जाकर वहां से शल्योद्धारिणी तथा शल्यरोहिणी—दो औषधियां लेकर आएगा। सबसे पहले वह शल्योद्धारिणी औषधि का पैर पर लेप करेगा। एक मुहूर्त्त्त के पश्चात् शल्य स्वयं ही निकलकर बाहर आ जाएगा। फिर शल्यरोहिणी के लेप से घाव ठीक हो जाएगा। फिर वह वानर मुनि के समक्ष भूमि पर ये अक्षर लिखेगा—मैं वैतरणी नामक वैद्य पूर्वभव में द्वारिका में था।' मुनि ने भी यह नाम सुन रखा था। वह वानर को धर्म सुनाएगा। वानर भक्तप्रत्याख्यान कर तीन दिन तक जीवित रहेगा। वहां से मरकर सहस्रार देवलोक में देवरूप में उत्पन्न होगा।
देवलोक में अवधिज्ञान का प्रयोग कर वह अपने मृत शरीर को देखेगा। वहां आकर देव मुनि को ऋद्धि बताकर कहेगा—'तुम्हारी कृपा से मुझे देवद्धि प्राप्त हुई है।' फिर वह वानर मुनि के शरीर को उन साधुओं के पास ले जाएगा। साधुओं के पूछने पर वह सारा वृत्तान्त बताएगा। इस प्रकार अनुकंपा के कारण उस वानर को सम्यक्त्वसामायिक, श्रुतसामायिक तथा चारित्राचारित्र-सामायिक की प्राप्ति होगी। अन्यथा वह नरकप्रायोग्य कर्म बांधकर नरकगामी होता। वह देव योनि से च्युत होकर चारित्रसामायिक प्राप्त करेगा, फिर सिद्धि गति को प्राप्त होगा।
९११. अकामनिर्जरा से सामायिक की प्राप्ति
बसंतपुर नगर में एक धनिक वधू नदी पर स्नान कर रही थी। एक तरुण ने उसे देखकर कहा—'हे मदोन्मत्त हाथी के सूंड सी जंघा वाली सुदंरी! नदी तुझे पूछ रही है कि क्या तूने भलीभांति स्नान कर लिया? नदी के ये वृक्ष और में तेरे चरणों में नत हैं।' प्रत्युत्तर में वह बोली—'नदियां सुभग हों तथा ये नदी के वृक्ष चिरकाल तक जीवित रहें जो मुझे यह पूछ रहे हैं कि क्या तुमने भलीभाति स्नान कर लिया, हम उसके लिए प्रियता संपादित करने का प्रयत्न करेंगे।' तरुण उसका घर-द्वार नहीं जानता था। उसने सोचा नीतिकार कहते हैं कि-'अन्नपान के द्वारा बालिकाओं का, विभूषा से यौवनस्थ नारियों का, उपचार के द्वारा वैश्या का तथा कठोर सेवा से वृद्धा का हरण किया जा सकता है, आकृष्ट किया जा सकता है।' उस तरुणी के साथ आने वाली बालिकाएं वृक्षों को देख रही थीं। वह तरुण उनके पास गया। उन्हें फल-फूल देकर पूछा—'यह तरुणी कौन है?' उन बालिकाओं ने कहा—'अमुक सेठ की पुत्रवधू है।' तब उसने सोचा, किस उपाय से मेरा इस तरुणी के साथ मिलाप हो? उसने एक तापसी को दान-मान देकर उस तरुणी के पास भेजा। वह तापसी तरुणी के पास जाकर बोली—'अमुक तरुण तुमको पूछ रहा था। उस समय वह बर्तनों को राख से मांज रही थी। तापसी की बात सुनकर वह रुष्ट हो गई और राख सेलिप्त हाथ से उस तापसी की पीठ आहत की। उसकी पीठ पर पांचों अंगुलियों के निशान अंकित हो गए। तरुणी ने उस तापसी को पिछवाड़े से निकाल दिया।'
तापसी उस तरुण के पास जाकर बोली—'वह तो तुम्हारी बात भी सुनना नहीं चाहती।' तापसी से सारी बात सुनकर तथा उसकी पीठ पर अंकित अंगुलियों कें चिह देखकर तरुण जान गया कि कृष्णपक्ष की पंचमी को बुलाया है। तरुण ने पुन: तापसी को यह जानने के लिए भेजा कि कहां मिलना है? तापसी गई तब तरुणी कुछ शरमाती हुई-सी उसे आहत करने लगी तथा अशोकवाटिका की बाड से उसे बाहर निकाल दिया। वह तरुण के पास जाकर बोली—'भद्र! वह तो तेरा नाम भी सुनना नहीं चाहती। तरुण ने पूरी बात तापसी से पूछी और यह जान लिया कि उसे कहां मिलना है?' वह पिछवाड़े के द्वार से वहां गया और तरुणी को साथ ले अशोकवाटिका में विश्राम करने लगा। दोनों सो गए। श्वसुर ने यह देख लिया। वह वहां आया, जहां दोनों सो रहे थे। उसने जान लिया कि वधू के साथ सोने वाला उसका पुत्र नहीं है। फिर वह धीरे से वधू के एक पांव से एक नुपूर निकालकर ले गया। वह तरुणी जाग गई। उसने उस तरुण को उठा कर कहा—'जल्दी भागो यहां से। अवसर आने पर मेरी सहायता करना।' वह तरुण वहां से चला गया। तरुणी अपने घर गई और पति से बोली—'यहां गर्मी बहुत है। हम अशोकवाटिका में चलें और वहीं सो जाएं।' दोनों अशोकवाटिका में जाकर सो गए। कुछ ही समय पश्चात् उस तरुणी ने अपने पति को जगाकर कहा—'क्या यह तुम्हारे कुल के अनुरूप है? श्वसुर अभी मेरे पांव से नुपूर निकालकर ले गए।' पति बोला—'अभी सो जाओ, प्रात: वह मिल जाएगा।' पुत्र ने स्थविर पिता से रुष्ट होकर कहा—'विपरीत आचरण करने लगे हो?' स्थविर पिता बोला—'मैंने वधू को किसी दूसरे पुरुष के साथ सोते हुए देखा था।' विवाद होने पर वधू बोली—'मैं आत्मा की शुद्धि करूंगी—धीज करूंगी।' पुत्र और पिता ने कहा—'अच्छा है करो।' वह स्नान कर यक्षगृह की ओर गई। वहां यह बात प्रसिद्ध थी कि जो अपराधी होगा वह यक्षमूर्ति की दोनों जंघाओं के बीच से निकलता हुआ वहीं फंस जाएगा और जो अपराधी नहीं होगा, वह उस अन्तराल से निकल जाएगा, फंसेगा नहीं। तरुणी के कथनानुसार वह तरुण पिशाच का रूप बनाकर उसी यक्ष मंदिर में रह रहा था। उसने उस युवती को पकड़कर आलिंगन कर लिया। तरुणी यक्ष की मूर्ति के समक्ष जाकर लोगों को सुनाई दे, ऐसे स्वरों में बोली—'मैंने अपने जीवन में पिता के द्वारा प्रदत्त पति तथा पिशाच को छोड़कर यदि किसी पर पुरुष से नाता जोड़ा हो तो हे यक्ष! तुम मुझे फंसा देना।' वह छूट गई। यक्ष ने सोचा—'देखो, इसने मुझे भी ठग लिया। इसमें कोई सतीत्व नहीं है।' यक्ष ने सोचा इतनी देर में वह यक्ष के पंजे से छूटकर चली गई। सभी लोगों ने स्थविर श्वसुर को बुरा-भला कहा। अधृति के कारण उसकी नींद उचट गई। राजा ने यह सुना तो उसे अन्त:पुर पालक के रूप में नियुक्त कर लिया।
आभिषेक हस्तिरत्न राजा के वासगृह के नीचे ही बंधा रहता था। एक रानी महावत में आसक्त थी। रात्रि में हाथी अपनी सूंड ऊपर उठाता और रानी उस पर पैर रखकर नीचे उतर जाती। वह रात महावत के साथ बिताती। प्रात: उसी विधि से अपने प्रासाद में चली जाती। इस प्रकार समय बीतता गया। एक बार रानी विलंब से पहुंची। महावत ने हाथी की सांकल से उसे पीटा। वह बोली—'वहां एक अन्त:पुर पालक है। वह रात भर सोता ही नहीं। तुम मेरे ऊपर क्रोध मत करो।'
एक बार अन्त:पुर पालक ने रानी को आते-जाते देख लिया। उसने सोचा—'यदि ये भी ऐसी हैं तो जो सामान्य स्त्रयां हैं, उनका तो कहना ही क्या?' वह सो गया। प्रभात हुआ। सभी लोग जाग गए। वह नहीं जागा। राजा ने कहा—'इसे सोने दो।' वह सातवें दिन उठा। राजा के पूछने पर उसने कहा—'एक रानी मैं नहीं जानता कौन है, वह प्रतिरात्रि हाथी को सूंड के सहारे बाहर जाती है। तब राजा ने एक मिट्टी का हाथी बनवाया और अन्त:पुर की सभी रानियों को आज्ञा दी कि इस हाथी की पूजा कर, सभी इसके ऊपर चढ़कर नीचे उतरे। सभी रानियों ने वैसा ही किया परन्तु उस रानी ने कहा—'मुझे हाथी पर चढ़ने-उतरने में भय लगता है।' तब राजा ने उसे कमलनाल से आहत किया। वह उस प्रहार से मूर्च्छित होकर गिर पड़ी। राजा ने जान लिया कि यही अपराधिनी है। राजा बोला—'हे मदोन्मत्त हाथी पर आरोहण करने वाली! तू इस मिट्टी के हाथी पर चढ़ने से डर रही है। तू कमलनाल से आहत होने पर मूर्च्छित हो गई और गजसांकल से आहत होने पर भी मूर्च्छित नहीं हुई।' राजा ने उसकी पीठ पर सांकल से प्रहार के चिह देखे। तब राजा ने महावत तथा उस रानी को हाथी पर बिठाकर छिन्न मेखला वाले पर्वत पर भेज दिया। राजा ने महावत से कहा—'तुम तीनों उस पर्वत से नीचे गिर जाना।' हाथी के दोनों पार्श्वों में दो सैनिक हाथों में भाला लिए हुए खड़े थे। हाथी का एक पैर बांधकर ऊंचा कर दिया। लोगों ने कहा—'बेचारे इस पशु की क्या गलती ऐ? महावत और रानी को मारा जाए।' तब भी राजा का रोष शान्त नहीं हुआ। दूसरी बार हाथी के दोनों पैर ऊपर कर दिए और तीसरी बार तीनों पैर। अब हाथी एक पैर पर खड़ा था। लोगों ने आक्रन्दन करते हुए कहा—'अरे! इस हस्तिरत्न को क्यों मार रहे हो?' राजा का मन पिघला। उसने कहा—'क्या कोई इसे निवर्तित कर सकता है?' एक व्यक्ति बोला—'यदि अभय दें तो।' राजा ने अभय दे दिया। उसने अंकुश से उसे निवर्तित कर, कुछ घुमाकर एक स्थान पर खड़ा कर दिया। महावत और रानी को हाथी से नीचे उतार कर दोनों को देश से निकाल दिया।
महावत और रानी—दोनों एक प्रत्यंत गांव में गए और एक शून्यगृह में ठहरे। गांव में चोरी कर एक चोर वहां आकर ठहरा। रानी महावत से बोली—'हम दोनों एक दूसरे से वेष्टित होकर बैठें, जिससे यहां कोई दूसरा प्रवेश न कर सके।' प्रभात होने पर यहां से चलेंगे। चोर भी इधर-उधर लुढ़कता हुआ रानी से छू गया। रानी ने स्पर्श का वेदन किया। स्पृष्ट होने पर वह बोली—'कौन हो तुम?' वह बोला—'मैं चोर हूं।' वह बोली—'तुम मेरे पति हो जाओ और तब हम इस (महावत) को चोर बता देंगे।'
प्रभात हुआ। गांव वालों ने महावत को चोर समझकर पकड़ लिया। उसे शूली पर चढ़ाकर मार डाला। वह रानी चोर के साथ चली जा रही थी। मार्ग में एक नदी आई। चोर ने उससे कहा—'तुम यहां ठहरो। मैं वस्त्र और आभूषणों को लेकर नदी के उस पार रखकर लौट आऊंगा।' चोर वस्त्र और आभूषण लेकर नदी में उतरा और वहां से चला। रानी बोली—'यह नदी परिपूर्ण है। गहरे पानी वाली है। मेरी सारी वस्तुएं तुम्हारे हाथ में हैं। जैसे तुम नदी के पार जाना चाहते हो, क्या वैसे ही मेरा सारा भांड ले जाना चाहते हो?' वह चोर नदी के पानी में रुक कर बोला—'बाले! जो चिर-परिचित था उसे छोड़कर तुम अपरिचित के साथ जा रही हो। ध्रुव को छोड़कर अध्रुव को ग्रहण कर रही हो। मैं तुम्हारी प्रकृति और स्वभाव को जान गया हूं। दूसरा कौन व्यक्ति तुम्हारे में विश्वास करेगा।' रानी बोली—'क्या तुम वास्तव में चले जा रहे हो?' वह बोला—'जैसे तुमने महावत को मरवाया वैसे ही मुझे भी कभी मरवा डालोगी।' वह चोर पलायन कर गया।
नदी तट पर एक व्यक्ति कांटों से विद्ध होकर पड़ा था। उसने पानी मांगा। वहां एक श्रावक आया। वह बोला—'यदि तुम नमस्कार मंत्र का जाप करोगे तो मैं पानी दूंगा।' वह विद्ध व्यक्ति उसके निकट गया और नमस्कार मंत्र का जाप करते हुए दिवंगत हो गया। मरकर वह व्यंतर देव बना। आरक्षक पुरुषों ने श्रावक को चोर समझकर पकड़ लिया। उस व्यंतर देव ने अवधिज्ञान का प्रयोग कर देखा कि उसके पूर्वभव का शव पड़ा है और श्रावक आरक्षकों द्वारा बद्ध है। तब उसने शिला की विकुर्वणा कर फेंकी। व्यन्तर देव ने रानी को शरस्तंब में छुपी हुई देखा। तब उसके मन में घृणा उत्पन्न हुई। देव ने श्रृगाल का रूप बनाया और अपने मुंह में मांसपेशी लेकर नदी की ओर चला। इतने में ही नदी से उछलकर एक मत्स्य तट पर आ गिरा। श्रृगाल मांसपेशी को वहीं छोड़कर मत्स्य को पकड़ने दौड़ा। मत्स्य पानी में चला गया तभी बाज उस मांसपेशी को लेकर उड़ गया। तब श्रृगाल शोकाकुल हो गया। यह देखकर वह रानी बोली—'हे जम्बुक! मांसपेशी को छोड़कर मत्स्य की आशा करते हो? मासंपेशी भी गई और मत्स्य भी नहीं मिला। अब तुम विलाप क्यों कर रहे हो?' वह सियालरूप देव बोला—'हे पत्रपुटों से आच्छादित सुंदरी! पिता की अपकीर्ति करने वाली! तेरा पति भी गया और जार भी। हे पुंश्चली! अब क्यों शोक कर रही है?' ऐसा सुनकर वह उदासीन और लज्जित हो गई। तब देव ने अपना असली रूप दिखाया और बोला—'तुम प्रव्रजित हो जाओ।' देव ने राजा को तर्जित किया। उसने आवक को छोड़ दिया। उसका अभिनिष्क्रमण महोत्सव मनाया। मरकर वह देवलोक में उत्पन्न हुई।
११२. बाल-तपस्या से सामायिक की प्राप्ति ( इन्द्रनाग )
वसंतपुर नगर में मारी के प्रकोप से एक सेठ का घर उजड़ गया। उनके इन्द्रनाग नामक एक पुत्र था, जो मारी के प्रकोप से बच गया। बालक ने भूख और प्यास से व्याकुल होकर, प्यास बुझाने के लिए पानी मांगा। उसने देखा कि परिवार के सारे सदस्य मर गए। उसके घर के द्वार को गांव के लोगों ने कांटों की बाड़ से ढक दिया था। उसको वहां छह दिन बीत गए। तब वह एक शून्य छिद्र से घर से बाहर निकलकर उसी नगर में भीख मांगने लगा। लोग उसको अपने नगर का भूतपूर्व सदस्य समझकर कुछ न कुछ देते। इस प्रकार वह बढ़ रहा था। एक बार राजगृह से एक वणिक् आया। उसने घोषणा करवाई कि यदि कोई साथ आना चाहे तो आ सकता है। उस बालक ने यह घोषणा सुनी और वह सार्थ के साथ हो गया। सार्थ के साथ उसे खाने के लिए चावल का भोजन मिला। उसने भोजन किया पर वह पचा नहीं। दूसरे दिन वह वहीं रहा लेकिन भोजन नहीं किया। सेठ ने सोचा इसके उपवास है तथा यह अव्यक्तलिंगी है। दूसरे दिन भोजन के लिए घूमने पर सेठ ने उसे अति स्निग्ध आहार दिया। दूसरे दिन भी उसके अजीर्ण हो गया। सार्थवाह ने समझा कि यह षष्ठ्यन्नकालिक है अर्थात् बेले की तपस्या वाला है। उसके प्रति सार्थवाह की श्रद्धा जागी। तीसरे दिन वह भोजन के लिए घूम रहा था। सार्थवाह ने बुलाकर पूछा—'कल क्यों नहीं आए?' मौन रहने पर सार्थवाह ने सोचा कि इसने बेले की तपस्या की है अत: उसे स्निग्ध भोजन दिया। दो दिन और ऐसे ही बीत गए। लोगों में उसके प्रति श्रद्धा भावना बढ़ी। उसे कोई भोजन का निमंत्रण देता तो भी वह स्वीकार नहीं करता। लोगों में यह प्रसिद्धि हो गई कि यह एकपिंडिक है।
चलते-चलते वे अष्टापद पर्वत पर पहुंचे। वणिक् ने कहा—'तुम दूसरों के यहां पारणा ग्रहण मत किया करो। जब तक नगर न आ जाए, तब तक मैं तुमको भिक्षा दूंगा।' नगर में पहुंचने पर वणिक् ने उसके लिए अपने घर में मठ बना दिया। उसने अपना सिर मुंडाया और भगवे वस्त्र धारण कर लिए। लोगों में वह संन्यासी के रूप में प्रसिद्ध हो गया। अब वह उस घर में भी रहना नहीं चाहता था। जिस दिन उसके पारणा होता उस दिन अनेक लोग आहार लेकर आते। वह एक ही व्यक्ति का पिंड लेता पर लोग नहीं जानते थे कि वह किसका ग्रहण करेगा। तब लोगों ने ज्ञापित करने के लिए भेरी को व्यवस्था कर कहा कि जो भोजन देगा, वह भेरी बजायेगा। जो उसको भोजन देता, वह भेरी बजाता। इस प्रकार काल बीतने लगा।
एक बार भगवान् महावीर वहां पधारे। उन्होंने साधुओं से कहा—'कुछ देर ठहरो, अभी अनेषणा है।' जब वह संन्यासी भोजन कर चुका तब भगवान् बोले—'अब भिक्षा के लिए जाओ।' उन्होंने गौतम को बुलाकर कहा—'तुम जाओ और मेरे वचन से उस साधु को कहो—'अहो! अनेकपिंडिक! तुमको एकपिंडिक देखना चाहते हैं।' गौतम स्वामी वहां गए और भगवान् के निर्देशानुसार उसे कहा। वह रुष्ट होकर बोला—'तुम अनेक पिंड खाते हो। मैं एकपिंड खाता हूं इसलिए मैं एकपिंडिक हूं और तुम अनेकपिंडिक हो।'
कुछ क्षण बीतने पर उसका रोष उपशांत हुआ। उसने सोचा—'ये मुनि मृषा नहीं बोलते। इनकी बात सच हो सकती है?' उसे श्रुति प्राप्त हुई। उसने सोचा—'मैं अनेकपिंडिक हूं क्योंकि जिस दिन मेरे पारणा होता है, सैंकड़ों पिंड बनाए जाते हैं। ये मुनि अकृत और अकारित पिंड लेते हैं इसलिए इनका कहना सत्य है।' इस प्रकार सोचते-सोचते उसे जातिस्मृति ज्ञान प्राप्त हो गया। वह प्रत्येकबुद्ध हो गया। इन्द्रनाग नामक वह साधु अर्हत् हुआ और सिद्धि गति प्रात कर ली। उसने बालतप से सामायिक-बोधि प्राप्त की।
११३. दान से सामायिक की प्राप्ति ( कृतपुण्य )
एक नगर में एक वत्सपाली-धायमाता रहती थी। उसके एक पुत्र था। एक दिन उत्सव पर लोगों ने अपने-अपने घरों में खीर बनाई। वत्सपाली के पुत्र ने दूसरे बच्चों को खीर खाते देखा तो वह अपनी मां से बोला—'मुझे भी खीर पकाकर दो।' सामग्री नहीं है, यह सोचकर वह रो पड़ी। उसकी सखियों ने उससे रोने का कारण पूछा। उसने सरलता से कारण बता दिया। तब उन्होंने सारी सामग्री लाकर दे दी। कोई दूध ले आई, कोई तन्दुल और कोई चीनी। तब उस स्थविरा ने खीर पकाकर घृत-मधु से संयुक्त कर एक थाली में परोस कर बालक के सामने रख दी। इतने में मासक्षपण की तपस्या के पारणे में घूमते-घूमते एक मुनि वहां आ पहुंचे। मां भीतर गई हुई थी। बालक ने सोचा—'मुझे भी धर्म का लाभ कमाना है।' उसने अपनी थाली में पड़ी खीर का तीसरा भाग मुनि को दे दिया। फिर सोचा, यह तो बहुत कम है। तब उसने दूसरा भाग भी दे दिया। फिर सोचा, यदि इसी पात्र में अन्य अम्ल आदि द्रव्य लिए जायेंगे तो यह बिगड़ जाएगी अत: उसने शेष खीर भी दे दी। तब उसने द्रव्यशुद्ध, दायकशुद्ध और ग्राहकशुद्ध—इस शुद्ध दान से देव-आयुष्य का बंध किया।
मां ने आकर थाली को खाली देखा तो उसने सोचा—'बच्चे ने सारी खीर खा ली है।' मां ने पुन: खीर परोसी। उस बालक ने थोड़ी मात्रा में अपना पेट भरा। रात्रि में विसूचिका से मरकर वह देवलोक में उत्पन्न हुआ। वहां से च्युत होकर वह राजगृह नगर में प्रधान सेठ धनावह की भार्या भद्रा के गर्भ से पुत्ररूप में उत्पन्न हुआ। जब वह गर्भ में था तब लोग कहते-'जो गर्भ में आया है, वह कृतपुण्य है।' जब मां ने पुत्र का प्रसव किया तब उसका नाम 'कृतपुण्य ' रखा। वह बड़ा होने लगा। उसने अनेक कलाएं सीखीं। युवा होने पर उसका विवाह हुआ। माता ने उसे दुर्ललित गोष्ठी के सदस्यों के साथ रखा। उन्होंने उसे गणिकागृह में प्रविष्ट करा दिया। बारह वर्षों तक वह वहां रहा। पूरा कुल निर्धन हो गया। फिर भी वह गणिका के घर से नहीं निकला। उसके माता-पिता मर गए। अंतिम दिन उसकी भार्या ने अपने आभूषण वेश्या के घर भेजे। गणिका को माता ने जान लिया कि अब यह नि:स्सार हो गया है। तब वे आभूषण तथा सहस्र मुद्राएं लौटा दीं। गणिका की माता ने कहा—'इसे घर से निकाल दो।' वेश्या की पुत्री ऐसा नहीं चाहती थी। तब उसे चोरी के आरोप से वहां से निकाल कर घर भेजना चाहा। वह घर के बाहर बैठ गया। तब दासी ने कहा—'घर से निकाल देने पर भी अभी यहीं बैठे हो?' तब वह अपने जीर्ण-शीर्ण घर पर आया, भार्या ससंभ्रम उठी। कृतपुण्य ने पत्नी को सारी बात बताई और शोकग्रस्त होकर पत्नी से पूछा—'घर में कुछ है?' उसने कहा—'दूसरों से मांग कर काम चला रही हूं।' तब उसने गणिका की माता द्वारा लौटाए गए आभरण तथा सहस्र मुद्राएं उसे दिखाई।
उसी दिन एक सार्थ किसी गांव की ओर प्रस्थित होने वाला था। कृतपुण्य भांडमूल्य लेकर उसके साथ प्रस्थित हो गया। मार्ग में वह एक देवालय के बाहर खाट बिछाकर सो गया। वहीं एक वणिक् को माता ने सुना कि उसका पुत्र नौका के टूट जाने पर मर गया तब उसने उस व्यक्ति को धन देते हुए कहा—'भाई! यह बात किसी को मत बताना।' माता ने सोचा—'मुझे पुत्र रहित समझकर राजा मेरा सारा धन न ले ले, यह सोचकर वह रात्रि में उस सार्थ के पास आई। वह किसी अनाथ की खोज में थी। उसने मंदिर के बाहर खाट पर सोए कृतपुण्य को देखा, उसे समझाकर वह घर ले गई। घर पहुंच कर वह रोने लगी। पुत्रवधुएं एकत्रित हुई। वृद्धा ने कहा—'अनेक दिनों से खोया हुआ मेरा बेटा मुझे मिला है। चिरकाल से यह घर से चला गया था। यह तुम्हारा देवर है। आज यह यहां आया है।' चारों उसके साथ लग गई। वह बारह वर्ष तक वहां रहा। चारों के चार पुत्र हुए। बूढ़ी सास ने कहा—'अब इसे घर से निकाल दो। वे उसका जाना सहन नहीं कर पा रही थीं। उन चारों ने उसके लिए पाथेय रूप में मोदक बनाए और उनमें एक-एक रत्न रख दिया, जिससे कि वे उसके जीवन-निर्वाह में काम आ सकें। उसे मदिरा पिलाई और उसी मंदिर के बाहर खाट पर लिटाकर सिरहाने वह पाथेय रखकर वे चारों लौट आई। प्रभात हुआ। शीतल पवन के झोकों से वह जागा। अकस्मात् वह सार्थ भी उसी दिन वहां आया। उसकी मूल भार्या ने उसकी खोज करने एक आदमी भेजा। वह उसके साथ घर आया। भार्या ने ससंभ्रम उठ कर पाथेय की थैली अपने हाथ में ले ली। वह उसे भीतर ले गई और स्नान-अभ्यंगन आदि करवाया। जब वह घर से निकला था, तब भार्या गर्भवती थी। अंब उसका पुत्र ग्यारह वर्ष का हो गया था। वहं पाठंशाला से आकर रोने लगा। उसने कहा—'मां! मुझे जल्दी खाना दो अन्यथा उपाध्याय मुझे पीटेंगे।' मां ने तब लडुओं की थैली में से एक मोदक निकालकर दिया। वह उसे खाता हुआ बाहर निकला। उसने उसमें रत्न देखा। साथियों ने भी रत्न देखा। उन्होंने उसे पूपिका बनाने वाले एक व्यक्ति को देते हुए कहा—'प्रतिदिन हमें पूपिका देते रहना।' उसने भी भोजन करते समय मोदक को तोड़ा। उसने रत्न देखकर सोचा, शुल्क देने के भय से रत्नों को मोदकों में छुपाया है। उसने रत्नों को पूर्ववत् रख दिया।
एक बार महाराज श्रेणिक के गंधहस्ती सेचनक को नदी में तेंदुक (जलजीव) ने पकड़ लिया। राजा खिन्न हो गया। अभय ने कहा—'यदि कहीं जलकांत मणि मिल जाए तो तेंदुक इसे छोड़ सकता है। राजा के खजाने में रत्नों की बहुलता थी। उनमें से जलकांत मणि को खोजने में समय लगेगा, यह सोचकर नगर में पटह बजवाया कि जो कोई जलकांत मणि देगा, राजा उसको आधा राज्य और पुत्री देगा।' तब आपूपिक ने जलकांत मणि राजा को ले जाकर दी। जलकांत मणि को वहां पानी में डाला, जहां हाथी फंसा हुआ था। मणि के प्रभाव से जल के भीतर प्रकाश हो गया। तेंदुक ने जाना कि मैं स्थल पर ले जाया गया हूं। उसने हाथी को छोड़ दिया और पानी में पलायन कर गया। राजा ने सोचा—'इस आपूपिक के पास यह मणि कहां से आयी?' उसने आपूपिक को बुलाकर पूछा—'यह मणि तुम्हें कहां से प्राप्त हुई।' उसने कहा—'कृतपुण्य के पुत्र ने मुझे दी है।' राजा संतुष्ट हुआ और कहा—'यह और किसकी हो सकती है?' उसने कृतपुण्य को बुलाया और अपनी पुत्री का विवाह उसके साथ कर दिया। साथ ही कुछ देश भी उसको दे दिए। वह भाग भोगता रहा। गणिका ने जब सुना कि कृतपुण्य राजा बन गया है, तो वह भी वहां आकर बोली—'इतने समय तक तुम्हारे विरह में मैंने वेणी भी नहीं बांधी। सभी स्थानों पर तुम्हारी खोज की, वैतालिक भेजे। अब तुम यहां मिले हो।' कृतपुण्य ने अभयकुमार से कहा—'मेरी चार पत्नियां हैं पर मैं उनका घर नहीं जानता।' तब अभय ने एक मंदिर बनवाया और कृतपुण्य सदृश एक लेप्ययक्ष बनाया। नगर में उस मंदिर के यक्ष की पूजा की घोषणा करवाई। दो द्वार बनवाये। एक से प्रवेश और दूसरे से निर्गम। वहां द्वार के पास कृतपुण्य और अभय—दोनों आसन बिछाकर बैठ गए। कौमुदी उत्सव की घोषणा करते हुए कहा गया—'मंदिर में प्रवेश और प्रतिमा की अर्चना सभी महिलाओं को करनी है।' लोग भी आए और महिलाएं भी आई। वे चारों महिलाएं अपने बच्चों के साथ वहां आई। बच्चों ने कृतपुण्य को पहचान लिया और बापू, बापू कहते हुए उसकी गोद में बैठ गए। उसने भी पत्तियों को पहचान लिया। उसने स्थविरा की प्रताड़ना की और पत्तियों को बुला लिया। अब वह सातों के साथ भोग भोगते हुए रहने लगा। एक बार भगवान् वर्द्धमान वहां समवसृत हुए। कृतपुण्य ने भगवान् को वंदना कर पूछा—'मेरी संपत्ति और विपत्ति का कारण क्या है?' भगवान् बोले—'संपत्ति का कारण है—मुनि को पायसदान।' वह वैराग्य से प्रव्रजित हो गया। यह दान से प्राप्त बोधि है
११४. विनय से सामायिक की प्राप्ति ( पुष्पशालसुत )
मगध जनपद के गोब्बरग्राम में पुष्पशाल नाम का गाथापति था। उसकी पत्नी का नाम भद्रा और पुत्र का नाम पुष्पशालपुत्र था। उसने एक दिन माता-पिता से पूछा—'धर्म क्या है?' उन्होंने कहा—'वत्स! धर्म है माता-पिता की सेवा करना।' इस संसार में देवता दो ही हैं—माता और पिता। इसमें भी पिता विशिष्ट होता है क्योंकि माता उसके वशवर्ती होती है।
अब वह प्रतिदिन प्रात:काल से माता-पिता को मुखधावन आदि सारी सेवाएं करने लगा। वह उनकी शुश्रूषा देवता की भांति करने लगा। एक बार ग्रामभोजिक उसके घर आया। माता-पिता ने उसका आतिथ्य किया। बालक ने सोचा—'माता-पिता के लिए वह भी देवतुल्य है। मैं इसकी पूजा करूंगा तो धर्म होगा।' उसने ग्रामभोजिक की शुश्रूषा भी शुरू कर दी। ग्रामभोजिक के लिए भोजिक देवतुल्य था और भोजिक के कोई दूसरा, उसके भी कोई अन्य, इस प्रकार शुश्रूषा करते—करते वह राजा श्रेणिक को शुश्रूषा करने लगा।
भगवान् महावीर राजगृह में समवसृत हुए। राजा श्रेणिक अपनी ऋद्धि के साथ वंदना करने लगा। तब पुष्पशालपुत्र ने भगवान् से कहा—'मैं आपको सेवा-शुश्रूषा करूंगा क्योंकि आप श्रेणिक के भी पूज्य हैं।' भगवान् बोले—'मैं रजोहरण और पात्र की पूजा-अर्चा करता हूं।' यह सुनकर पुष्पशालपुत्र संबुद्ध हो गया।
११५. विभंगज्ञान से सामायिक की प्राप्ति ( शिवऋषि )
हस्तिनापुर नगर में शिव नामक राजा था। उसको पत्नी का नाम धारिणी तथा पुत्र का नाम शिवभद्र था। राज्य की धुरा बहन करते हुए शिव राजा के मन में एक संकल्प उभरा-'मेरे पूर्वजन्म के सुचीर्ण-कर्मों का फल है, जिसके कारण मेरे भंडार में सोना, चांदी तथा धन-धान्य आदि बढ़ रहे हैं इसलिए अब मुझे पुन: पुण्यकर्म करना चाहिए। ऐसा सोचकर उसने दूसरे दिन विपुल भोजन बनवाया। लोगों को भोजन कराकर दान दिया और अत्यधिक समृद्धि व उत्सव के साथ शिवभद्र का राज्याभिषेक किया। फिर ताम्रमय तापस भाण्डों को बनवाकर उन्हें लेकर दिशाप्रोक्षित तापस बन गया। यावज्जीवन बेले-बेले की तपस्या में दोनों हाथ ऊपर उठाकर सूर्य की आतापना लेते हुए वह विहरण करने लगा। वह प्रथम बेले के पारणे के दिन आतापन भूमि से उतरकर वल्कल वस्त्रों को पहनकर, तांबे के बर्तनों को ग्रहण कर पूर्व दिशा को प्रेक्षा करता था। प्रेक्षा करके वह बोलता—'पूर्व दिशा में सोम महाराज प्रस्थानप्रस्थित शिव राजर्षि की रक्षा करें। वहां जो हरियाली आदि हैं, उनकी आज्ञा दें।' ऐसा कहकर पूर्व दिशा में नीचे पड़े हुए कंद आदि को ग्रहण करता, उपलेपन, सम्मार्जन आदि करता, स्वच्छ जल ग्रहण करके दर्भ और वालुका से वेदिका की रचना करता, उसमें समिधा, काड आदि डालता, मधु, घृत आदि से अग्नि प्रज्वलित करता फिर अतिथि-पूजा करके स्वयं आहार ग्रहण करता। इसी प्रकार दूसरे बेले के पारणे में दक्षिण दिशा की प्रेक्षा करता और यम महाराज की आज्ञा लेता। तीसरे बेले के पारणे में पश्चिम दिशा की प्रेक्षा कर वरुण महाराज की आज्ञा ग्रहण करता। चौथे बेले के पारणे में उत्तरदिशा की प्रेक्षा करते हुए वैश्रमण महाराज की आज्ञा लेता। इस प्रकार बेले-बेले की तपस्या में दिशाचक्रवाल तप:कर्म के साथ सूर्याभिमुख होकर आतापना लेने से उसके तदावरणीय कर्मों के क्षयोपयशम से विभंगअज्ञान उत्पन्न हो गया। वह शिव राजर्षि हस्तिनापुर के लोगों को कहता कि इस लोक में सात द्वीप एवं सात समुद्र हैं, इसके आगे द्वीप एवं समुद्र नहीं हैं।
उस समय भगवान् महावीर हस्तिनापुर में समवसृत हुए। भिक्षा के लिए भ्रमण करते हुए गौतम स्वामी ने अनेक लोगों के मुख से यह बात सुनी। इस संदर्भ में गौतम ने अपना संशय भगवान् के सामने रखा। देवता और मनुष्यों की सभा में भगवान् महावीर ने कहा—'गौतम! जो शिव राजर्षि ने कहा है, वह मिथ्या है। इस तिर्यक् लोक में जंबूद्वीप आदि असंख्येय द्वीप तथा लवण समुद्र आदि असंख्येय समुद्र हैं।' यह बात सुनकर परिषद् प्रसन्न होकर भगवान् को वंदना कर वापस चली गयी। लोगों से भगवान् महावीर की बात सुनकर उसके मन में शंका उत्पन्न हो गयी और उसका विभंगअज्ञान पतित हो गया। उसने मन में सोचा—'भगवान् महावीर सर्वज्ञ और सर्वदर्शी हैं, वे सहस्राम्ब वन में विहरण कर रहे हैं। मैं जाऊं और भगवान् को वंदना करूं, यह इहलोक और परलोक के लिए हितकर होगा।' ऐसा सोचकर वह सब भंडोपकरण लेकर भगवान् महावीर के पास गया और वंदना-नमस्कार किया। भगवान् से धर्म-देशना सुनकर उसे परम संवेग उत्पन्न हो गया। ईशानकोश को ओर अभिमुख होकर उसने तापस के उपकरण छोड़ दिए और स्वयं ही पंचमुष्टि लोच किया। फिर भगवान् के पास जाकर चारित्र स्वीकार किया और ग्यारह अंगों का अध्ययन किया। विशुद्ध परिणामों से उसको केवलज्ञान की उत्पत्ति हो गई और वह सिद्ध बन गया।
११६. संयोग-वियोग से सामायिक की प्राप्ति
दो मथुराएं थी—दक्षिण मथुरा और उत्तर मथुरा। एक बार उत्तर मथुरा का वणिक् दक्षिण मथुरा में गया। वहां एक वणिक् उसके समान रूप रंग वाला था। उसने आगंतुक वणिक् का आतिथ्य किया। वे दोनों मित्र हो गए। उन्होंने सोचा, हमारी प्रीति स्थिर हो जाएगी यदि हम अपने पुत्र और पुत्री का जन्म होने पर उनका परस्पर विवाह-संबंध करेंगे तो। दक्षिणात्य वणिक् ने उत्तर वणिक् के घर में जन्मी बेटी को अपने बेटे के लिए ग्रहण कर लिया। कालान्तर में दक्षिण मथुरा का वणिक् कालगत हो गया। उसका स्थान उसके पुत्र ने ले लिया। एक बार वह स्नान करने बैठा। उस समय उसने चारों दिशाओं में चार स्वर्ण कलश स्थापित किए। उनके बाहर रूप्य कलश, उनके बाहर ताम्र कलश और उनके बाहर मृत्तिका के कलश स्थापित किए। दूसरी स्नान विधि की रचना की तब उसके पूर्व दिशा का स्वर्णिम कलश अदृश्य हो गया। क्रमश: चारों दिशाओं के स्वर्ण-कलश अदृश्य हो गए। इसी प्रकार एक-एक कर सभी प्रकार के कलश अदृश्य हो गये। ज्योंहि वह स्नान करके उठा उसका स्नानपीठ भी अदृश्य हो गया। उसमें अधृति उत्पन्न हो गई। जब वह घर में गया तब भोजनविधि का प्रारंभ हुआ। वहां स्वर्ण और रूप्यमय भाजन रखे गए। तब एक-एक भाजन अदृश्य होता गया। वह सबको अदृश्य होते हुए देख रहा था। जब उसकी मूलपात्री भी अदृश्य होने लगी तो उसने उसे पकड़ लिया। जितना वह पकड़ सका उतना टुकड़ा उसके हाथ में रह गया। शेष पात्री अदृश्य हो गई। तब वह श्रीगृह में गया, वह भी रिक्त था। जो भूमि में गढ़ा हुआ धन था, वह भी अदृश्य हो गया। जो आभूषण थे, वे भी नहीं रहे जिनको धन ब्याज पर दिया गया था, वे भी कहने लगे-'हम तुमको नहीं जानते।' जो दास-दासी वर्ग था, वह भी चला गया। तब उसने सोचा—'अहो! मैं अधन्य हूं। मुझे प्रव्रजित हो जाना चाहिए।' वह धर्मघोष आचार्य के पास प्रव्रजित हो गया। ग्यारह अंगों का अध्ययन कर वह घूमने लगा। कुतूहलवश उसने उस पात्री-खंड को अपने हाथ में ले रखा था। उसने सोचा—जो वस्तुएं अदृश्य हो गई हैं, उन्हें मैं देखूंगा।
वह घूमता हुआ उत्तर मथुरा में पहुंचा। वे सारे रत्न तथा कलश श्वसुर-कुल में चले गए थे। एक बार उत्तर मथुरा का वणिक् स्नान करते हुए गा रहा था तब वे सारे कलश आदि वहां आ गए थे। तब उसने उन्हीं से स्नान आदि किया। भोजनवेला में वे सारे भांड भी आ गए। तब उसने उन्हीं से पेट भरा। क्रम से और भी सारी चीजें आ गयीं।
वह वणिक् साधु भिक्षा करता हुआ उस उत्तरमथुरा वाले वणिक् के घर में प्रविष्ट हुआ। वहां उस सार्थवाह की यौवनस्था पुत्री हाथ में पंखा लेकर बैठी थी। वंह साधु उस भोजनपात्र को वहां देख रहा था। गृहस्वामी ने भिक्षा मंगवाई। भिक्षा लेने के पश्चात् भी वह साधु वहीं खड़ा रहा तब उसने पूछा—'भगवन्! आप इस लड़की को क्यों देख रहे हैं?' वह बोला—'मेरा इस लड़की से कोई प्रयोजन नहीं है। मैं तो यह भोजनपात्र देख रहा हूं।' उसने फिर पूछा—'यह तुम्हें कहां मिला?' गृहस्वामी बोला—'यह तो दादे-परदादे से आया हुआ है।' साधु ने फिर पूछा—'यथार्थ बात बताएं।' उसने कहा—'एक बार जब मैं स्नान कर रहा था, तब यह स्नानविधि स्वयं उपस्थित हो गई। इसी प्रकार भोजन-विधि, श्रीगृह की परिपूर्णता, भूमिगत निधि आदि भी उपस्थित हो गए।' साधु बोला—'ये सब मेरे थे।' गृहस्वामी ने पूछा—'कैसे?' तब साधु ने स्नान आदि से लेकर सारा वृत्तान्त सुनाते हुए कहा—'यदि विश्वास न हो तो इस भोजन-पात्र के खंड को देखो।' वह खंड उस त्रुटित पात्र के तत्काल चिपक गया। उसने अपने पिता का नाम बताया, तब उसने जान लिया कि यही उसका जामाता है। गृहस्वामी ने उठकर साधु का आलिंगन किया और रोने लगा। गृहस्वामी बोला—'सारा धन यथावत् है। मेरी बेटी की भी आपके साथ सगाई की हुई है। धन के साथ इसको भी तुम स्वीकार करो। यह सुनकर साधु बोला—'कभी मनुष्य कामभोगों को पहले छोड़ता है और कभी कामभोग मनुष्य को पहले छोड़ते हैं।' यह सुनकर उत्तर मथुरावासी वणिक् ने सोचा—'ये कामभोग मुझे भी छोड़ेंगे।' इस विचार से वह विरक्त होकर प्रव्रजित हो गया। प्रस्तुत दृष्टान्त में एक को विप्रयोग से और दूसरे को संयोग से सामायिक का लाभ हुआ।
११७. व्यसन ( कष्ट) से सामायिक की प्राप्ति
दो भाई शकट पर बैठकर यात्रा कर रहे थे। शकट के चक्कों की वर्तनी में एक द्विमुख सर्प बैठा हुआ था। बड़े भाई ने यह देखकर कहा—'शकट को पीछे ले चलो।' छोटा भाई शकट चलाता रहा। संज्ञी होने के कारण सर्प ने यह सुना। वह चक्के से मर गया। मरकर वह सर्प हस्तिनागपुर नगर में स्त्री रूप में उत्पन्न हुआ। बड़ा भाई मरकर उस स्त्री के उदर से पुत्ररूप में आया। वह उसे बहुत प्रिय था। दूसरा भाई भी उसी के पेट में पुत्ररूप में आया। उस स्त्री ने सोचा—'यह क्या! एक शिला की भांति मैं इसे बहन कर रही हूं।' गर्भपात कराने पर भी वह गर्भ विगलित नहीं हुआ।' जब उसने पुत्र का प्रसव किया तब दासी को बुलाकर कहा—'इसे कहीं फेंक दो।' सेठ ने उस दासी को ले जाते हुए देख लिया। तब एक दूसरी दासी को देकर उसके लालन-पालन का भार सौंपा। वह वहीं बढ़ने लगा। बड़े का नाम राजललित और छोटे का नाम गंगदत्त रखा गया। बड़े भाई को जो कुछ मिलता, वह छोटे भाई को भी देता था। मां को छोटा भाई अप्रिय लगता था। वह जहां भी उसे देखती लकड़ी, पत्थर आदि से पीटने लग जाती।
एक बार इन्द्रमहोत्सव का अवसर था। घर में कोई नहीं था। पिता अपने उस छोटे पुत्र गंगदत्त को घर लाकर उसे पर्यंक के नीचे बिठा कर भोजन देने लगा। एक बार उसे पर्यंक से बाहर निकाला। मां ने उसे देख लिया। उसने हाथ पकड़कर उसे खींचा और शौचालय में डाल दिया। तब वह रोने लगा। पिता ने उसे वहां से निकाला और स्नान कराया। इतने में ही एक मुनि भिक्षा के लिए वहां आ पहुंचे। श्रेष्ठी ने मुनि से पूछा—'भगवन्! क्या माता के लिए भी पुत्र अनिष्टकारी होता है?' मुनि बोले—'हां, होता है।' श्रेष्ठी ने पूछा—'कैसे?' मुनि बोले—'जिसे देखकर क्रोध बढ़ता है, स्नेह क्षीण होता है तो जानना चाहिए कि वह पूर्व जन्म का वैरी है। जिसे देखकर स्नेह बढ़ता है और क्रोध क्षीण होता है तो जानना चाहिए कि वह पूर्व जन्म का बंधु है।' तब श्रेष्ठी बोला—'भगवन्! आप इसे प्रव्रज्या दे दें।' मुनि ने स्वीकार कर उसे दीक्षित कर दिया। भाई के स्नेहानुराग से उसका बड़ा भाई राजललित भी उसी आचार्य के पास प्रव्रजित हो गया। दोनों मुनि ईर्यासमिति का सम्यक् पालन करते हुए अनिश्रित तप में संलग्न हो गये। एक बार छोटे भाई ने निदान किया—'यदि इस तपस्या और संयम का कोई फल है तो भविष्य में मैं जन-मन को आनन्द देने वाला बनूं।' वह घोर तपस्या कर देवलोक में उत्पन्न हुआ। वहां से च्युत होकर वह वसुदेव का पुत्र वासुदेव बना और दूसरा बलदेव हुआ। इस प्रकार गंगदत्त ने व्यसन-कष्ट से सामायिक प्राप्त की।
११८ उत्सव से सामायिक की प्राप्ति
एक प्रत्यंत ग्राम में आभीरों की बस्ती थी। वे साधुओं के पास धर्म सुनते थे। एक बार साधुओं ने देवलोक का वर्णन किया। आभीरों की धर्म में सुबुद्धि थी। एक बार इन्द्रमह अथवा अन्य उत्सव के दिनों में वे आभीर नगरी में गए। वह नगरी द्वारिका जैसी थी। वहां उन्होंने लोगों को विचित्र वेशभूषा में मंडित, प्रसाधित और सुगंधित रूप में देखा। उनको देखकर वे परस्पर बोले—'साधुओं ने जो देवलोक का वर्णन किया था, वह यही है। हम भी सुन्दर कार्य करेंगे और देवलोक में उत्पन्न होंगे।' वे साधुओं के पास जाकर बोले—'आपने जो देवलोक का वर्णन किया था, उसे हमने प्रत्यक्ष देख लिया है।' साधुओं ने कहा—'देवलोक वैसा नहीं होता। वह दूसरे प्रकार का होता है। वह इससे भी अनन्तगुना अधिक सुन्दर होता है।' तब वे आभीर अत्यंत विस्मित हुए और मुनि के पास प्रव्रजित हो गए।
११९. ऋद्धि से सामायिक की प्राप्ति ( दशार्णभद्र )
दशार्णपुर नगर में दशार्णभद्र राजा राज्य करता था। उसके अन्त:पुर में पांच सौ रानियां थीं। वह राजा रूप, यौवन, सेना और वाहनों से प्रतिबद्ध होकर यह सोचता था कि जो मेरे पास है, वैसा दूसरों के पास नहीं है।
एक बार भगवान् महावीर दशार्णकूट पर्वत पर समवसृत हुए। राजा ने सोचा—'मैं कल भगवान् को इतनी समृद्धि के साथ वंदना करने जाऊंगा कि जैसी समृद्धि से किसी ने पहले वंदना न की हो।' राजा के मन की बात इन्द्र ने जान ली। उसने सोचा—'यह बेचारा स्वयं को नहीं जानता।' राजा दूसरे दिन महान् जनसमुदय को साथ ले धूमधाम से दर्शन करने निकला। देवराज इन्द्र ऐरावत हाथी पर बैठकर वहां आया। उसने ऐरावत हाथी के आठ मुखों की विकुर्वणा की। प्रत्येक मुंह में आठ-आठ दांत, प्रत्येक दांत पर आठ-आठ पुष्करिणियां, एक-एक पुष्करिणी में आठ-आठ कमलों की विकुर्वणा की। प्रत्येक पद्म पर आठ-आठ पत्र, प्रत्येक पत्र पर बत्तीस प्रकार के दिव्य नाटक हो रहे थे। इन्द्र दिव्य समृद्धि' के साथ वहां आया। उसने ऐरावत पर बैठे-बैठे ही भगवान् को वंदना की। तब वह ऐरावत हाथी अग्र पैरों से भूमि पर बैठा। तब उस हाथी के दशार्ण पर्वत पर देवता के प्रसाद से अगले पैर उठे। इस कारण उस पर्वत का नाम 'गजाग्रपदक' हो गया। पूर्व निर्गत राजा दशार्णभद्र ने इन्द्र की देवर्द्धि को देखा। उसने विस्मित होकर अनिमेष दृष्टि से ऐरावत हाथी पर बैठे इन्द्र की शोभा को देखा। इन्द्र की ऋद्धि के समक्ष राजा की ऋद्धि एवं प्रभाव नगण्य जैसा लग रहा था। तब देवराज इन्द्र ने दशार्णभद्र को कहा—'हे दशार्णभद्र! क्या तुम नहीं जानते कि अर्हत् भगवान् महावीर देवेन्द्र, असुरेन्द्र एवं नागेन्द्र द्वारा पूजित हैं।' फिर भी तुमने यह कैसे सोचा कि भगवान् को ऐसी ऋद्धि दिखाऊं जैसी किसी अन्य की न हो। यह सुनकर राजा दशार्णभद्र लज्जित हो गया। उसने सोचा—'इन्द्र जैसी ऋद्धि हमारे पास कैसे संभव है।' इसने धर्म का आचरण किया है तभी इसे इतनी ऋद्धि मिली है। 'मैं भी करूं, यह सोचकर वह प्रव्रजित हो गया।'
१२०. असत्कार से सामायिक की प्राप्ति ( इलापुत्र )
एक ब्राह्मण मुनियों के पास धर्म सुनकर अपनी पत्नी के साथ प्रव्रजित हो गया। वह उग्र संयम का पालन. करने लगा परन्तु दोनों की पारस्परिक प्रीति नहीं छूटी। 'मैं ब्राह्मणी हूं' इस प्रकार वह साध्वी गर्व करती थी। दोनों मरकर देवलोक में उत्पन्न हुए। वहां दोनों अपना आयुष्य भोगकर च्युत हुए।
इलावर्द्धननगर में इला देवता का मंदिर था। उस देवता की पूजा एक सार्थवाही पुत्र की कामना से करती थी। देवलोक से च्युत होकर वह ब्राह्मण साधु का जीव उसी के यहां पुत्र रूप में उत्पन्न हुआ। उसका नाम इलापुत्र रखा गया। उस ब्राह्मणी का जीव गर्वदोष के कारण एक नटनी की कोख से पुत्री के रूप में उत्पन्न हुआ। दोनों ने यौवन में पदार्पण किया। एक दिन इलापुत्र ने उस नट-पुत्री को देखा। पूर्वजन्म के अनुराग से वह उसमें आसक्त हो गया। इलापुत्र ने उसकी मांग की और कहा मैं इसको प्राप्त करने के लिए इसके वजन जितना स्वर्ण देने को तैयार हूं। परन्तु नट-पिता ने यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि यह लड़की हमारी अक्षय निधि है। यदि तुम हमारी नटविद्या सीख लो और हमारे साथ घूमते रहो तो यह तुम्हें प्राप्त हो सकती है। इलापुत्र उनके साथ घूमने लगा। उसने नट-विद्याएं सीख ली। एक बार राजा ने विवाह के निमित्त नट-मंडली को अपने करतब दिखाने के लिए कहा। वे वेन्यातट पर गए। राजा ने अपने अन्त:पुर के साथ नटों के करतब देखे। इलापुत्र करतब दिखा रहा था। राजा की दृष्टि उसी नटकन्या पर टिकी हुई थी। उसने पूरा करतब देखा ही नहीं। खेल का एक भाग संपन्न हुआ। राजा ने नटों को कुछ भी दान नहीं दिया। उसके न देने पर दूसरों ने भी अपने हाथ खींच लिए। सारी जनता नटों के करतब देखकर साधुवाद, साधुवाद की आवाज करने लगी। राजा ने नट से कहा—'ऊपर चढ़ो और पुन: करतब दिखाओ।' वहां वंश के अग्रभाग पर तिरछा काष्ठ रखा गया। उसमें दो कीलिकाएं थीं। नट पादुकाएं पहनकर हाथ में असिखेटक लेकर ऊपर चढ़ा। उन कीलिकाओं का पादुका की नलिकाओं से प्रवेश हो सकता था। वे पादुकाएं सात आगे और पांच पीछे आविद्ध थीं। राजा ने सोचा—'यदि यह वहां से स्खलित होकर नीचे गिर पड़ेगा तो शरीर के सैकड़ों खंड हो जाएंगे।' इलापुत्र ने वह करतब भी सफलतापूर्वक कर डाला। राजा अब भी उसी नटपुत्री की ओर देख रहा था। लोगों ने जय-जयकार किया फिर भी राजा की आंखें नहीं खुलीं। राजा ने नटमंडली को कुछ नहीं दिया और न ही ध्यान से नाटक देखा। राजा तो बस यही सोच रहा था कि यदि यह नट इलापुत्र मर जाए तो मैं इस नटपुत्री के साथ विवाह कर लूं। राजा को पूछने पर वह कहने लगा—'मैंने करतब देखा ही नहीं, पुन: करो।' इलापुत्र ने पुन: किया। राजा ने फिर भी नहीं देखा। तीसरी बार करने पर भी नहीं देखा। चौथी बार इलापुत्र से कहा—'पुन: करो।' सारी जनता विरक्त हो गई। इलापुत्र चौथी बार चढ़ा और बांस के अग्रभाग पर स्थिर होकर सोचने लगा—'भोगों को धिक्कार है। यह राजा इतनी रानियों से भी तृप्त नहीं हुआ और इस नटिनी को अपनी बनाना चाहता है। इस नटपुत्री को प्राप्त करने के लिए मुझे मारना चाहता है।' यह सोचते-सोचते उसकी दृष्टि एक श्रेष्ठिगृह में सर्वालंकार भूषित स्त्रियों की ओर गई, जो एक मुनि को भिक्षा देने के लिए प्रवृत्त थीं। वे स्त्रियां सर्वांग-सुंदर थीं परन्तु मुनि अत्यंत विरक्तभाव से नीचे दृष्टि किए हुए थे। इलापुत्र ने मन ही मन सोचा—'अहो! ये साधु धन्य हैं, जो विषयों से निस्पृह हैं। मैं श्रेष्ठीपुत्र हूं, अपने परिजनों को छोड़कर यहां आया हूं। यहां भी मेरी ऐसी स्थिति है।' उसके परिणाम श्रेष्ठ होते गए और उसी अवस्था में उसे केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई।
उस नट-पुत्री को भी वैराग्य हुआ। अग्रमहिषी और राजा के मन में भी विशुद्ध भाव उमड़े और सभी कैवल्य को प्राप्त कर सिद्ध हो गए।
१२१. दमदन्त अनगार
हस्तिशीर्ष नगर में दमदन्त नामक राजा राज्य करता था। हस्तिनापुर नगर में पांच पांडव रहते थे। दोनों में परस्पर वैर था। एक बार महाराज दमदंत राजगृह में जरासंध के पास गए हुए थे। पांडवों ने उसके राज्य को लूट लिया और उसे जला डाला। जब दमदंत वापिस आया तो उसने हस्तिनापुर पर चढ़ाई कर दी। दमदंत के भय से कोई नगर से बाहर नहीं आया तब दमदंत ने कहा—'श्रृगालों की भांति शून्य स्थानों में जहां घूमना हो, वहां इच्छानुसार घूमो। जब मैं जरासंध के पास गया था तब तुमने मेरे देश को लूटा था। अब बाहर निकलो।' जब हस्तिनापुर से कोई बाहर नहीं निकला तब महाराज दमदंत अपने देश चले गए। कालान्तर में वे कामभोगों से विरक्त हुए और प्रव्रजित हो गए।
एक बार एकलविहार प्रतिमा को स्वीकार कर वे विहार करते हुए हस्तिनापुर आए और गांव के बाहर प्रतिमा में स्थित हो गए। अनुयात्रा के लिए निर्गत युधिष्ठिर ने आकर वंदना की। शेष चारों पांडवों ने भी मुनि को वंदना की। इतने में ही दुर्योधन वहां आ गया। उसके साथियों ने उसे कहा—'यही वह दमदंत है।' तब दुर्योधन ने उसे बिजौरे के फल से आहत किया। उसके पीछे जो सेना आ रही थी, सबने एक-एक पत्थर मुनि की ओर फेंका। देखते-देखते मुनि पत्थर की राशि से ढक गए। लौटते समय युधिष्टिर ने पूछा—'यहां एक मुनि प्रतिमा में स्थित थे। वे कहां हैं?' लोग बोले—'इस पत्थर-राशि के पीछे मुनि हैं और ये पत्थर दुर्योधन के कारण फेंके गए हैं।' युधिष्टिर ने दुर्योधन को फटकारा और पत्थरों को हटाया। मुनि का तैल से अभ्यंगन किया और क्षमायाचना की। मुनि दमदंत का दुर्योधन तथा पांडवों के प्रति समभाव था।
१२२. मुनि मेतार्य
साकेत नगर का राजा चन्द्रावतंसक था। उसके दो पत्नियां थीं-सुदर्शना और प्रियदर्शना। सुदर्शना के दो पुत्र थे—सागरचन्द्र और मुनिचन्द्र। प्रियदर्शना के भी दो पुत्र थे—गुणचन्द्र और बालचन्द्र। सागरचन्द्र को युवराज बनाया और मुनिचन्द्र को उज्जयिनी नगरी का आधिपत्य दिया।' एक बार महाराज चन्द्रावतंसक माघ महीने में अपने वासगृह में प्रतिमा में स्थित हुए। उन्होंने यह संकल्प किया कि जब तक दीपक जलता रहेगा में प्रतिमा में स्थित रहूंगा। शय्यापालिका ने सोचा—'अंधेरे में राजा को कष्ट होगा इसलिए दूसरे प्रहर में बुझते दीपक में उसने तैल डाल दिया।' वह आधी रात तक जलता रहा। उसने आकर पुन: उस दीपक में तैल डाल दिया, जिससे रात्रि के तीसरे प्रहर तक वह दीपक जलता रहा। अंतिम प्रहर में भी दीपक में तैल डाला जिससे वह प्रभातकाल तक जलता रहा। राजा बहुत सुकुमार था। वेदना से अभिभूत होकर वह प्रभात बेला में दिवंगत हो गया।
उसके बाद सागरचन्द्र राजा बना। एक दिन उसने अपनी माता की सौत से कहा—'तुम्हारे दोनों पुत्रों के लिए मेरा यह राज्य ले लो।' मैं प्रव्रजित होऊंगा। मुझे इससे राज्य प्राप्त हुआ है, यह सोचकर उसने राज्य लेना नहीं चाहा। कालान्तर में सागरचन्द्र को राज्य-लक्ष्मी से सुशोभित देखकर उसने सोचा—'यह मेरे पुत्रों के लिए राज्य दे रहा था परन्तु मैंने नहीं लिया। यदि मैं राज्य ले लेती तो मेरे पुत्र भी इसी प्रकार सुशोभित होते। अभी भी मैं इसको मार डालूं।' अब वह अवसर देखने लगी।
एक दिन सागरचन्द्र भूख से आकुल था। उसने रसोइये को आदेश दिया कि पौर्वाहिक भोजन वहीं भेज देना, मैं सभागृह में भोजन करूंगा। रसोइये ने सिंहकेशरी मोदक बनाकर दासी के हाथ भेजे। प्रियदर्शना ने यह देख लिया। उसने दासी से कहा—'मोदक इधर लाओ। मैं इसे देखूं तो सही।' दासी ने उसे वह मोदक दिखाया। प्रियदर्शना ने पहले से ही अपने दोनों हाथ विषलिप्त कर रखे थे। मोदक का स्पर्श कर उसे विषमय बना डाला। वह दासी से बोली—'अहो! सुरभिमय मोदक है, इसे ले जाओ। उसने दासी को मोदक दे दिया। दासी ने वह मोदक राजा को अर्पित कर दिया। उस समय दोनों कुमार गुणचन्द्र और बालचन्द्र—'राजा के पास ही बैठे थे। राजा ने सोचा—'ये दोनों कुमार भी भूखे हैं। मैं अकेला इन्हें कैसे खाऊं?' उस मोदक के दो भाग कर दोनों को एक-एक भाग दे दिया। दोनों उस मोदक को खाने लगे। तत्काल विष का वेग बढ़ा। वह उनके मुंह पर प्रतीत होने लगा। राजा ने हड़बड़ाकर वैद्यों को बुलाया। वैद्यों ने आकर राजकुमारों को स्वर्ण पिलाया। दोनों स्वस्थ हो गए। राजा ने दासी को बुलाकर सारी बात पूछी। दासी बोली—'किसी ने इस मोदक को नहीं देखा, केवल इन कुमारों की माता ने इसका स्पर्श किया था। राजा ने प्रियदर्शना को बुलाकर कहा—'पापिनी! मैंने राज्य देना चाहा, तब तुमने नहीं लिया। अब तुम मुझे मारकर राज्य लेने का प्रयत्न कर रही हो। तुम्हारे प्रयत्न से तो मैं बिना कुछ परलोक का सबल लिए ही परलोकगामी बन जाता।' यह सोच, दोनों भाइयों को राज्य देकर राजा सागरचन्द्र प्रव्रजित हो गया।
एक बार उज्जयिनी से साधुओं का एक संघाटक वहां आया। प्रव्रजित, राजा ने पूछा—'वहां कोई उपद्रव तो नहीं है?' उन्होंने कहा—'वहां राजपुत्र और पुरोहितपुत्र दोनों साधुओं को बाधित करते हैं।' वह कुपित होकर उज्जयिनी गया। वहां के मुनियों ने उसका आदर-सत्कार किया। वे सांभोगिक मुनि थे अत: भिक्षावेला में उन्होंने कहा—'सबके लिए भक्त-पान ले आना।' उसने कहा—'मैं आत्मलब्धिक हूं। आप मुझे स्थापनाकुल बताएं।' उन्होंने एक शिष्य को साथ में भेजा। वह उसे पुरोहित का घर दिखाकर लौट आया। वह वहां अंदर जाकर ऊंचे शब्दों में धर्मलाभ देने लगा। यह सुनकर भीतर से स्त्रियां हाहाकर करती हुई बाहर आई। मुनि जोर से बोला—'क्या यह श्राविकाओं के लक्षण है?' इतने में ही राजपुत्र और पुरोहितपुत्र—'दोनों ने बाहर जाकर रास्ता रोक दिया। दोनों बोले—'भगवन्! आप नृत्य करें।' वह पात्रों को रखकर नाचने लगा। वे बजाना नहीं जानते थे। उन्होंने कहा—'युद्ध करें।' वे दोनों एक साथ सामने आए। मुनि ने उनके मर्मस्थान पर प्रहार किया। उनकी अस्थियां ढीली हो गई। उनको छोड़कर मुनि द्वार को खोलकर बाहर चला गया। राजा के पास शिकायत पहुंची। राजा ने साधुओं को बुलाया। उन्होंने कहा—'हमारे यहां एक अतिथि मुनि आया था। हम नहीं जानते वह कहां है?' उसकी खोज की गई। साधु उद्यान में था। राजा वहां गया और क्षमायाचना की। वह उन दोनों को मुक्त करना नहीं चाहता था। साधु बोला—'यदि दोनों प्रव्रजित हों तो मुक्त कर सकता हूं।' दोनों को पूछा तो उन्होंने प्रव्रजित होना स्वीकार कर लिया। उनकी सारी अस्थियां अपने-अपने स्थान पर स्थित हो गईं। साधु ने लोच करके दोनोंको प्रव्रजित कर लिया। राजपुत्र ने सोचा—'मेरे पितृव्य ने ठीक ही किया है।' लेकिन पुरोहित पुत्र साधु से जुगुप्सा करने लगा। वह सोचता था कि मुनि ने कपट से मुझे प्रव्रजित किया है। वे दोनों मरकर देवलोक में उत्पन्न हुए। दोनों ने यह संकेत दिया कि जो देवलोक से पहले च्युत हो, वह दूसरे को प्रतिबोध दे।
पुरोहित पुत्र का जीव देवलोक से च्युत होकर जुगुप्सा के कारण राजगृह नगर में एक मातंगी के गर्भ में आया। उस मातंगी की सखी एक सेठानी थी। उनके सखित्व का एक कारण था कि वह मातंगी मांस बेचती थी। एक दिन सेठानी ने उससे कहा—'मांस बेचने के लिए अन्यत्र मत घूमना। सारा 'मांस मैं खरीद लूंगी।' मातंगी प्रतिदिन मांस लाती। दोनों में घनिष्ठ प्रीति हो गई। वह सेठानी निन्दु-मृतप्रसवा थी। उसने मृतपुत्री का प्रसव किया। तब मातंगी ने एकांत में सेठानी को अपना पुत्र दे दिया और उसकी मृतपुत्री को ले लिया। वह सेठानी मातंगी के पैरों में उस बालक को लुठाती और कहती कि यह तुम्हारे प्रभाव से जी सके। उसका नाम मेतार्य रखा गया। वह बढ़ने लगा। उसने अनेक कलाएं सीखीं। उसके मित्र देव ने उसे प्रतिबोध दिया परन्तु वह प्रतिबोधित नहीं हुआ। तब माता-पिता ने एक ही दिन में आठ इभ्य कन्याओं के साथ उसका पाणिग्रहण कर दिया। नगर में वह शिविका में घूमने लगा।
इधर वह मित्र देवता मातंग के शरीर में प्रविष्ट हुआ और रोने लगा। मातंग के शरीर में स्थित देव बोला—'यदि मेरी पुत्री जीवित होती तो आज मैं भी उसका विवाह इसके साथ करके प्रसन्न होता और मातंगों को भोजन कराता।' तब उस मातंगी ने आकर सारा यथार्थ वृत्तान्त बताया। यह सुनते ही वह मातंग रुष्ट हो गया और देवता के प्रभाव से उस शिविका में बैठे मातंग को नीचे गडे में गिराते हुए बोला—'तुम असदृश कन्याओं के साथ परिणय रचा रहे हो।' मेतार्य बोला—'कैसे?' वह बोला—'तुम अवर्ण हो।' मेतार्य बोला—'कुछ समय के लिए मुझे मुक्त कर दो। मैं बारह वर्ष तक घर में और रहूंगा।' देव बोला 'फिर मैं तुम्हारे लिए क्या करूं?' मेतार्य ने कहा—'तुम मुझे राजा की कन्या दिला दो।' इससे सारी बातें स्पष्ट हो जायेंगी। सारी मलिनता धुल जाएगी। देवता ने उसे एक बकरा दिया। वह मींगनियों के बदले रत्नों का विसर्जन करता था। उससे रत्नों का थाल भर गया। मेतार्य ने पिता से कहा—'रत्नों का थाल ले जाकर राजा से उनकी बेटी मांगो।' पिता ने राजा को रत्नों का थाल भेंट किया। राजा ने पूछा—'क्या चाहते हो?' वह बोला—'आपकी पुत्री मेरे पुत्र के लिए चाहता हूं।' राजा ने उसे तिरस्कृत करके बाहर निकाल दिया। वह प्रतिदिन रत्नों से भरा थाल ले जाता परन्तु राजा उसे बेटी देने को तैयार नहीं हुआ।
एक दिन अभयकुमार ने पूछा—'इतने रत्न कहां से लाते हो?' वह बोला—'मेरा बकरा प्रतिदिन रत्नों का व्युत्सर्ग करता है।' अभय बोला—'हमें भी वह बकरा दिखाओ।' वह बकरे को लेकर आया। उसने वहां अत्यंत दुर्गन्ध युक्त मल का व्युत्सर्ग किया। अभय बोला—'यह देवता का प्रभाव है। परीक्षा करनी चाहिए।' अभय ने कहा—'महाराज भगवान् को वंदना करने वैभार पर्वत पर जाते हैं परन्तु मार्ग बड़ा कष्टप्रद है इसलिए रथमार्ग का निर्माण करो।' उसने रथमार्ग का निर्माण कर दिया, जो आज तक विद्यमान है। अभय ने कहा—'स्वर्णमय प्राकार बना दो।' उसने वैसा ही कर डाला। अभय फिर बोला—'यदि यहां समुद्र को लाकर उसमें स्नान कर शुद्ध हो जाओ तो बेटी दे देंगे।' वह समुद्र ले आया और उसमें स्नान कर शुद्ध हो गया। राजा ने अपनी बेटी दे दी। राजा ने शिविका में घूमते हुए उसका विवाह कर दिया। सभी विवाहित कन्याएं भी वहां आ गईं। इस प्रकार बारह वर्ष तक वह भोग भोगता रहा। देवता ने उसे फिर प्रतिबोधित किया। तब महिलाओं ने बारह वर्षों की मांग की। उनकी मांग पूरी की। फिर चौबीस वर्षों के पश्चात् सभी प्रव्रजित हो गए। मेतार्य नौ पूर्वों का अध्येता बन गया। वह एकलविहार प्रतिमा स्वीकार कर राजगृह में घूमने लगा।
एक दिन वह एक स्वर्णकार के घर में गया। वह स्वर्णकार महाराज श्रेणिक के लिए स्वर्ण के आठ सौ यब बना रहा था। श्रेणिक चैत्य की अर्चना त्रिसंध्या में करता था इसलिए यवों का निर्माण हो रहा था। मुनि उस स्वर्णकार के घर गए। एक बार कहने पर उन्हें भिक्षा नहीं मिली। वे वहां से लौट गए। स्वर्णकार के यव एक क्रोंच पक्षी ने निगल लिए। स्वर्णकार ने आकर देखा तो उसे यव नहीं मिले। राजा की चैत्य-अर्चनिका की वेला आ गई। स्वर्णकार ने सोचा—'आज मेरी हड्डी-पसली तोड़ दी जाएगी।' स्वर्णकार ने साधु को शंका की दृष्टि से देखा। उसे यवों के विषय में पूछा पर मुनि मौन रहे। तब स्वर्णकार ने मुनि के शिर को गीले चमड़े के आवेष्टन से बांध दिया। मुनि से कहा—'बताओ, किसने वे यव लिए हैं?' कुछ ही समय में शिरोवेष्टन के कारण मुनि की दोनों आंखें भूमि पर आ गिरीं। क्रौंच पक्षी वहीं बैठा था। स्वर्णकार के घर में लकड़ी काटी जा रही थी। उसकी एक शलाका क्रौंच पक्षी के गले पर लगी जिससे उसने सारे स्वर्ण-यवों का वमन कर दिया। लोगों ने स्वर्णकार से कहा—'अरे पापिष्ठ! ये रहे तेरे यव।' मुनि कालगत होकर सिद्ध गति को प्राप्त हो गए। लोगों ने आकर मेतार्य मुनि को मृत अवस्था में देखा। बात राजा तक पहुंची। राजा ने स्वर्णकार के वध को आज्ञा दे दी। वधक स्वर्णकार के घर गए। स्वर्णकार के सभी सदस्य द्वार बंद कर प्रवजित हो गए और बोले—'श्रावक धर्म से बढ़ो।' यह सुन राजा ने उन्हें मुक्त कर दिया और कहा—'यदि मुनित्व को छोड़कर उत्प्रव्रजित हुए तो मैं सबको तैल के कड़ाह में उबाल दूंगा।'
९२३. कालकाचार्य से पृच्छा
तुरुमिणी नगरी में जितशत्रु राजा राज्य करता था। वहां भद्रा नाम की ब्राह्मणी रहती थी। उसके पुत्र का नाम दत्त था। दत्त के मामे का नाम आर्यकालक था। वे प्रव्रजित हो गए थे। दत्त मदिरा और द्यूत का व्यसनी था। वह चाटुकारिता करने लगा और एक दिन प्रधान दंडिक के पद पर आसीन हो गया। कुलपुत्र के साथ मिलकर उसने राजा को राज्य से बाहर निकाल दिया और स्वयं राजा बन गया। उसने अनेक यज्ञ करवाए। एक बार अपने मातुल आर्यकालक से कहा—'मैं धर्म सुनना चाहता हूं। यज्ञों का फल क्या है?' आर्यकालक बोले—'क्या धर्म पूछते हो?' आचार्य ने धर्म का स्वरूप बताया। पुन: प्रश्न पूछने पर आचार्य बोले—'क्या नरक का मार्ग पूछते हो?' अधर्म का फल है नरक। फिर अशुभ कर्मों के उदय का फल पूछने पर वह भी बताया। पुन: पूछने पर आचार्य बोले—'यज्ञ का फल है नरकगामिता।' क्रुद्ध होकर दत्त बोला—'इसका प्रमाण क्या है?' आचार्य बोले—'आज से सातवें दिन तुम श्वकुंभी में पकाए जाओगे?' दत्त बोला—'इसका प्रमाण क्या है?' आचार्य ने कहा—'सातवें दिन तुम्हारे मुंह में मल प्रवेश करेगा।' दत्त रुष्ट होकर बोला—'आपकी मौत कब और कैसे होगी?' आर्यकालक बोले—'मैं लंबे समय तक प्रव्रज्या का पालन कर देवलोक में जाऊंगा।' राजा ने रुष्ट होकर अपने आदमियों को कहा—'इस मुनि को बांध दो। दंडिक भय से अभिभूत हो गए। उन्होंने राजा से कहा—'आप आगे आएं हम इसे बांधकर आपको अर्पित कर देंगे।'
राजा एकान्त में प्रच्छन्नरूप से रहने लगा। उसे दिनों की विस्मृति हो गई। सातवें दिन राजपथ का शोधन हो रहा था। उसको सुरक्षा को जा रही थी। एक पुजारी हाथ में पुष्पकरंडक लेकर प्रात:काल मंदिर की ओर जा रहा था। रास्ते में वह मलोत्सर्ग कर उसे पुष्पों से ढककर आगे चल दिया! राजा भी सातवें दिन अश्वसमूह के साथ आ रहा था। उसने सोचा, मैं उस श्रमण के पास जाऊं और उसका वध कर दूं। चलते-चलते एक किशोर अश्व ने मार्ग में मल पर पड़े उन पुष्पों को खुरों से कुरेदा। इससे मल के कण उछलकर पास में चल रहे राजा के मुंह में प्रविष्ट हो गए। राजा जान गया कि मैं मारा जाऊंगा। वह दंडिकों को पूछे बिना ही घर लौट पड़ा। उसने जान लिया कि दंडपुरुषों को मेरी मृत्यु का रहस्य ज्ञात हो गया है। दंडिकों ने सोचा—'जब यह दत्त-प्रासाद में प्रवेश करे, उससे पहले ही हम इसका निग्रह कर लें।' उन्होंने आगे आकर महाराज दत्त का निग्रह कर डाला। उसके स्थान पर दूसरा राजा बना दिया। फिर उन दंडिकों ने एक कुंभी में कुत्तों को डालकर राजा को उसी में डाल दिया और उस कुंभी का द्वार बंद करके नीचे से आग जला दी। अग्नि के ताप के कारण कुंभीगत कुत्तों ने दत्त को नोच-नोच कर उसके शरीर के खंड-खंड कर डाले।
१२४. चिलातक और सुंसुमा
क्षितिप्रतिष्ठित नगर में एक पंडितमानी ब्राह्मण शासन की निन्दा करता था। एक बार एक मुनि ने वाद में प्रतिज्ञा के अनुसार उसे पराजित कर दिया। फिर देवता द्वारा प्रेरित होने पर उसने दीक्षा स्वीकार कर ली। दीक्षित होने पर भी वह जुगुप्सा छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। उसके सभी पारिवारिक जन उपशान्त थे लेकिन उसकी पत्नी स्नेह नहीं छोड़ती थी। उसने पति बने साधु को वश में करने के लिए कार्मण आदि वशीकरण का प्रयोग किया। वह मरकर देवलोक में उत्पन्न हुआ। उसकी पत्नी भी विरक्त होकर प्रव्रजित हो गई। दोष की ओलाचना किए बिना वह मरकर देवलोक में उत्पन्न हुई। मुनि देवलोक से च्युत होकर राजगृह नगर में धन नामक सार्थवाह के घर में चिलाता नामक दासी के गर्भ से पुत्र रूप में उत्पन्न हुआ। बालक का नाम चिलातक रखा गया। ब्राह्मण-पत्नी भी च्युत होकर उसी सार्थवाह के घर में पांच पुत्रों के बाद पुत्री रूप में उत्पन्न हुई। उसका नाम सुंसुमा रखा गया। चिलातक को सुंसुमा की देखरेख के लिए रखा गया। उसको सुंसुमा के साथ कुचेष्टा करते देख सेठ ने चिलातक को घर से निकाल दिया। वह वहां से सिंह गुफा नामक चोरपल्ली में चला गया। वहां वह अग्रप्रहारी और क्रूर बन गया। चोर-सेनापति के मरने पर चिलातक को चोर-सेनापति बना दिया गया।
एक बार उसने अपने साथियों से कहा—'राजगृह नगर में धन सार्थवाह रहता है। उसकी पुत्री का नाम सुंसुमा है, वहां चलें। जो धन प्राप्त हो, वह सब तुम्हारा और सुंसुमा मेरी होगी।' चोर-सेनापति चिलातक वहां गया। उसने अवस्वापिनी विद्या से धन और उसके सभी पुत्रों को निद्राधीन कर डाला। चोर उसके घर में घुसे। धन और सुंसुमा को लेकर वे भाग गए। धन सेठ ने नगर-रक्षकों को बुलाकर कहा—'मेरी पुत्री को लाकर दो। जो धन मिले, वह सब तुम बांट लेना।' पीछा होता देख चोर धन की गठरियों को फेंक कर भाग गए।
नगर-रक्षक धन की गठरियों को लेकर लौट आए। चिलातक सुंसुमा को लेकर भागता रहा। धन आपने पुत्रों के साथ चिलातक का पीछा करने लगा। चिलातक सुंसुमा के भार से दब गया। जब वह उसे उठाने में समर्थ नहीं रहा और पीछा करने वालों को निकट आते देखा तो उसने सुंसुमा का सिर काट दिया। वह धड़ को वहीं जमीन पर छोड़कर सिर लेकर भाग गया। यह देखकर पीछा करने वाले लौटने लगे। वे सभी क्षुधा से आकुल-व्याकुल हो रहे थे। तब धन ने पुत्रों से कहा—'तुम मुझे मारकर खा लो और नगर में सकुशल पहुंच जाओ।' वे नहीं चाहते थे कि वैसा हो। तब बड़ा पुत्र बोला—'मुझे खा लो।' इस प्रकार सभी पुत्रों ने अपने आपको प्रस्तुत किया। तब पिता ने उनसे कहा—'एक-दूसरे को क्यों मारें? चिलातक के द्वारा मारी गई सुंसुमा को ही खा लें।' इस प्रकार पुत्री का मांस खाकर वे नगर में गए।
चिलातक सुंसुमा का सिर लिए भागा जा रहा था। वह दिग्मूढ हो गया। उस समय उसने एक मुनि को आतापना लेते हुए कायोत्सर्ग की स्थिति में देखा। चिलातक उसके निकट जाकर बोला—'मुने! संक्षेप में मुझे धर्म की बात कहो, अन्यथा में तुम्हारा भी सिर काट डालूंगा।' मुनि बोले—'संक्षेप में धर्म है—उपशम, विवेक और संवर।' चिलातक इन शब्दों को ग्रहण कर वहां से उठा और एकान्त में जाकर चिन्तन करने लगा। उसने सोचा क्रोध आदि कषायों का उपशमन करना चाहिए। मैं क्रुद्ध हूं, मुझे क्रोध को शांत कर देना है। दूसरा शब्द है—विवेक। इसका अर्थ है—त्याग। मुझे धन और स्वजन का त्याग कर देना है। उसने तत्काल सुंसुमा के कटे सिर तथा तलवार को फेंक दिया। तीसरा शब्द है—संवर। मुझे इन्द्रिय और नोइन्द्रिय—'मन का संवरण करना है। वह ध्यानलीन हो गया। रुधिर की गंध से चींटियां चिलातक को काटने लगीं। उन्होंने उसके शरीर को चालनी जैसा बना डाला। चींटियां पैरों से शरीर के भीतर प्रवेश कर सिर की चोटी के भाग से बाहर निकलीं। चींटियों ने शरीर के भीतरी भाग को आवागमन का मार्ग बना डाला। फिर भी मुनि ध्यान से विचलित नहीं हुए। ढाई दिन तक उसने वेदना को समभाव से सहा। मरकर वह वैमानिक देव बना।
१२५. संक्षेप का उदाहरण
आत्रेय, कपिल, बृहस्पति तथा पांचाल—इन चारों ऋषियों ने एक-एक लाख श्लोकों के चार ग्रन्थ बनाए। वे चारों महाराज जितशत्रु के समक्ष आए और बोले—'आप पांचवें लोकपाल हैं अत: हमारे शास्त्र सुनें।' राजा ने पूछा—'आपका ग्रन्थ कितना बड़ा है?' वे बोले—'प्रत्येक ग्रन्थ एक-एक लाख श्लोक परिमाण वाला है। चारों को मिलाने पर चार लाख श्लोक होंगे। राजा बोला—'इतना समय यदि मैं दूं तो राज्य की व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी। आप अपने ग्रन्थों को संक्षिप्त करें।' ग्रन्थों को संक्षिप्त करते—करते प्रत्येक ग्रन्थ में एक-एक श्लोक सुनने के लिए भी राजा तैयार नहीं हुआ। तब चारों ऋषियों ने अपने-अपने मत का प्रतिपादन करने वाले एक-एक चरण का निर्माण कर एक श्लोक बनाया। वह यह था—
'जीर्णे भोजनमात्रेय:, कपिल: प्राणिनां दया।
बृहस्पतिरविश्वास:, पाञ्चाल: स्त्रीषु मार्दवम्।।'
१२६. धर्मरुचि
बसंतपुर नगर में जितशत्रु महाराजा की रानी धारिणी ने पुत्र का प्रसव किया। पुत्र का नाम धर्मरुचि रखा गया। स्थविर अवस्था में राजा ने प्रव्रज्या लेनी चाही। उसने धर्मरुचि को राजा बनाना चाहा। धर्मरुचि ने मां से पूछा—'मां! पिताश्री राज्य का त्याग क्यों करना चाहते हैं?' मां बोली—'पुत्र! राज्य संसार बढ़ाने का हेतु है।' वह बोला—'मां! मैं भी राज्य नहीं चाहता।' वह अपने पिता के साथ तापस बन गया। एक दिन आश्रम में यह घोषणा की गई कि कल अमावस्या है। अमावस्या के दिन फल-फूल तोड़ना निषिद्ध है अत: जिनको संग्रह करना हो वे आज ही कर लें। धर्मरुचि ने यह घोषणा सुनी। उसने सोचा—'यदि कभी भी फल-फूल का छेदन-भेदन न किया जाए तो कितना सुन्दर हो। एक दिन कुछेक मुनि आश्रम के निकट से जा रहे थे। उनको देखकर धर्मरुचि ने पूछा—'प्रभो! क्या आपके अनाकुट्टि नहीं है जो कि आप जंगल की ओर जा रहे हैं?' साधुओं ने कहा—'हमारे यावजीवन अनाकुट्टि है। यह सुनकर वह संभ्रान्त होकर सोचने बैठा। मुनियों का संघ आगे चला गया। सोचते-सोचते धर्मरुचि को जातिस्मृति ज्ञान की उपलब्धि हुई और वह प्रत्येकबुद्ध हो गया।
१२७. तेतलिपुत्र
तेतलिपुर नगर में कनकरथ नामक राजा राज्य करता था। उसको महारानी का नाम पद्मावती था। राजा अत्यन्त राज्य-लोलुप था। जब-जब उसके संतान उत्पन्न होती, वह उनको विकृत अंग वाला कर देता, जिससे बड़े होकर वे राज्य की मांग न कर सकें।
राजा का अमात्य तेतलिपुत्र साम, दाम आदि नीतियों में निपुण था। उसी नगर में एक स्वर्णकार था, जिसकी पत्नी का नाम भद्रा था। उस स्वर्णकार की पुत्री का नाम पोट्टिला था, जो अत्यन्त रूपवती थी। एक बार वह अपनी छत पर सोने की गेंद से खेल रही थी। तेतलिपुत्र उसे देखकर आसक्त हो गया और शादी के लिए उसका हाथ मांगा। स्वर्णकार ने अपनी पुत्री की शादी तेतलिपुत्र के साथ कर दी।
एक दिन रानी पद्मावती ने अमात्य को बुलाकर कहा—'पुत्र पैदा होते ही भोगलिप्सा के कारण राजा उनको अंगविहीन कर देता है अत: एक पुत्र को जैसे-तैसे बचाओ, जिससे वह तुम्हारा और मेरा—दोनों का सहारा बन सके। मेरे उदर में अभी पुत्र है, हम उसका एकान्त में संरक्षण करेंगे।' अमात्य ने उसकी बात स्वीकार कर ली। पोट्टिला ने भी उसके साथ ही गर्भ धारण किया। कालान्तर में रानी पद्मावती ने पुत्र का प्रसव किया और पोट्टिला ने मृत दारिका को जन्म दिया। पद्मावती ने मंत्री को गुप्त रूप से बुलाकर अपना पुत्र उसे दे दिया और मृत दारिका अपने पास रख ली। राजकुमार तेतलिपुत्र के यहां बढ़ने लगा। उसने अनेक कलाएं सीख लीं।
एक बार तेतलिपुत्र पोट्टिला से नाराज हो गया। वह उसको अप्रीतिकर लगने लगी। तेतलिपुत्र उसका नाम भी सुनना नहीं चाहता था। पोट्टिला घबरा गई। एक बार कुछ साध्वियां उसके घर आईं। उसने एक साध्वी से पूछा—'पहले मैं अपने पति के लिए बहुत प्रिय थी लेकिन अब वह मेरी ओर आंख उठाकर भी नहीं देखना चाहता अत: कोई ऐसा उपाय बताओ जिससे मैं पुन: अपने पति के लिए प्रिय हो जाऊं।' साध्वी ने कहा—'हम ऐसी बात सुनना नहीं चाहतीं हम तो तुम्हें केवलिप्रज्ञप्त धर्म का उपदेश दे सकती हैं।' साध्वी से धर्म-वार्ता सुनकर वह विरक्त हो गयी। उसने श्रावक-व्रत स्वीकार कर लिए। एक दिन उसके मन में प्रव्रजित होने का विकल्प उठा। उसने तेतलिपुत्र से कहा—'आपकी आज्ञा हो तो मैं प्रव्रजित होना चाहती हूं।' तेतलिपुत्र बोला—'समय आने पर तुम मुझे संबोध दो तो प्रव्रजित होने की आज्ञा दे सकता हूं।' पोट्टिला ने स्वीकृति दे दी। यथोचित श्रामण्य का पालन कर वह देवलोक में उत्पन्न हुई। कालान्तर में राजा दिवंगत हो गया। तेतलिपुत्र ने राजकुमार कनकध्वज को पौरजनों के समक्ष प्रस्तुत किया और नागरिकों ने उसका राज्याभिषेक कर दिया। माता पद्मावती ने कुमार कनकध्वज के सामने रहस्य का उद्घाटन करते हुए कहा—'अमात्य तेतलिपुत्र के प्रभाव से ही तुम राजा बने हो अत: उसके साथ अच्छा संबंध रखना। राजा ने उसे सारे अधिकार दे दिए।'
पोट्टिला रूप देव ने तेतलिपुत्र को सम्बोधित किया लेकिन वह प्रतिबुद्ध नहीं हुआ। तब पोट्टिल देव ने राजा कनकध्वज को अमात्य से विमुख कर दिया। जहां-जहां अमात्य तेतलिपुत्र जाता या बैठता राजा उससे मुंह फेर लेता। वह भयभीत और उदिवग्न होकर घर आया। वहां रास्ते में भी किसी ने उसे सत्कार और सम्मान नहीं दिया। घर में बाह्य व आन्तरिक परिषद् दास, नौकर तथा पुत्र-परिजन आदि भी उससे विमुख हो गए। किसी ने उसको आदर नहीं दिया। अपमानित होने पर वह विषण्ण हो गया। उसने आत्महत्या के लिए तालपुट विष खा लिया पर उसका कोई प्रभाव नहीं हुआ। गर्दन पर तीक्ष्ण तलवार चलाई, वह भी धारहीन हो गई। तत्पश्चात् वह रस्सी गले में बांधकर वृक्ष पर लटका लेकिन रस्सी बीच में ही टूट गई। भारी शिला को गले में बांधकर गहरे पानी में कूदा पर वहां भी पानी अल्प हो गया। तृण-कुटीर में प्रवेश कर उसने आग लगाई लेकिन वह भी शान्त हो गयी।
परेशान होकर वह नगर से बाहर अटवी में चला गया। पीछे से हाथी उसे मारने दौड़ा। आगे एक गहरा गढ़ा था। अंधकार के कारण आगे-पीछे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। मध्य में बाण गिरने लगे। भयभीत होकर वह बैठ गया और जोर से बोला—'हा पोट्टिले! हा पोट्टिले! श्राविके! मैं कहां जाऊं? तुम मेरा निस्तार करो।' तब पोट्टिल देव ने पोट्टिला के रूप की विकुर्वणा की और बोला—'जैसे रोगी के लिए भैषज, अभियुक्त के लिए विश्वास, श्रान्त के लिए वाहन, महाजल में पोत, मायावी के लिए रहस्य, उत्कंठित के लिए देशगमन, क्षुधित के लिए भोजन, पिपासित के लिए पानी और शोकातुर के लिए युवती त्राण है, वैसे ही भीत के लिए प्रव्रज्या त्राण है। शुभ परिणामों से तेतलिपुत्र को जातिस्मृति उत्पन्न हो गयी। उसने देखा कि पूर्वभव में वह जंबूद्वीप के महाविदेह में पुष्करावती की पुंडरीकिनी नगरी में महाबल नामक राजा था। स्थविरों के पास प्रव्रजित होकर सामायिक आदि अंग तथा १४ पूर्वो का अध्ययन कर बहुत वर्षों तक श्रामण्य-पर्याय का पालन कर मासिक संलेखना में काल करके महाशुक्ल कल्प में देव रूप में उत्पन्न हुआ। वहां से वह तेतलिपुर नगर में अमात्य का पुत्र बना।
सोचते-सोचते तेतलिपुत्र सबुद्ध हो गया। प्रमदवन में अशोकवृक्ष के नीचे चिंतन करते हुए पूर्व पठित चौदह पूर्व स्वत: ज्ञात हो गए। कालान्तर में शुभ परिणामों से उसे केवलज्ञान उत्पन्न हो गया। सन्निहित देवों ने कैवल्य-प्राप्ति का उत्सव मनाया। इस वृत्तान्त को सुनकर राजा कनकध्वज अपनी माता के साथ वहां आया और क्षमायाचना की, केवली तेतलिपुत्र से धर्म का उपदेश सुनकर राजा कनकध्वज श्रावक बन गया। आपद्ग्रस्त होने पर भी तेतलिपुत्र ने प्रत्याख्यान में समता रखी।
१२८. द्रव्य नमस्कार का फल
बसंतपुर नगर में जितशत्रु राजा था। उसकी रानी का नाम धारिणी था। एक दिन राजा रानी के साथ झरोखे में बैठा था। उसकी दृष्टि मार्ग पर चलते किसी एक द्रमक—गरीब पर पड़ी। रानी ने भी उस द्रमक को देखा। दोनों के मन में उसके प्रति अनुकम्पा उत्पन्न हो गई। रानी ने कहा—'राजा नदी के समान होते हैं, वे भरे हुए को भरते हैं।' राजा के आदेश से उस गरीब को आभूषण और वस्त्रों से अलंकृत कर राजा के समक्ष उपस्थित किया गया। उसे खुजली की बीमारी थी। राजा ने उसे सेवक के रूप में रख लिया।
कुछ काल बीता। राजा ने उसे राज्य दे दिया। एक दिन उसने देखा कि दंडनायक, भट और भोजिक मंदिर में पूजा कर रहे हैं। उसने मन ही मन सोचा—'मैं किसकी पूजा करूं?' सोच-विचार कर उसने राजा का मंदिर बनवाया और राजा और रानी की प्रतिमा बनवाई। मंदिर में प्रतिमाओं की स्थापना करते समय उसने राजा-रानी को आमंत्रित किया। उन्होंने पूछा—'क्या बात है? उसने सारी बात बताई। राजा ने प्रसन्न होकर उसका विशेष सम्मान किया। वह अब तीनों संध्याओं में प्रतिमा की अर्चा-पूजा करने लगा। वह राजा की सेवा करता रहा। राजा ने संतुष्ट होकर उसके प्रवेश-निर्गमन के लिए सभी स्थान आज्ञापित कर दिए। एक बार राजा दंडयात्रा के लिए प्रस्थित हुआ। यात्रा पर जाते समय वह उस द्रमक राजा को संपूर्ण अन्त:पुर का दायित्व देकर चला गया। काफी समय बीत गया। अन्त:पुर की रानियां निरोध को सहन न कर सकने के कारण उस द्रमक राजा की सेवा करने लगीं। वह उनके साथ सहवास करना नहीं चाहता था। उनसे भोजन-पानी प्राप्त करना भी नहीं चाहता था। धीरे-धीरे उन्होंने उसे पथच्युत कर डाला। राजा यात्रा से आ गया। शिकायत करने पर राजा ने उसे देश से निकाल दिया।
९२९. अटवी में मार्गदर्शक
बसंतपुर नगर में धन नामक सार्थवाह रहता था। उसने देशान्तर जाते समय अपने प्रस्थान की घोषणा करवाई। उस घोषणा को सुनकर तटिक, कार्पटिक आदि एकत्रित हुए और सार्थ के साथ जाने की इच्छा प्रगट की। धन सार्थवाह ने उनको मार्ग के गुण बतलाते हुए कहा—'एक मार्ग ऋजु है और दूसरा वक्र। वक्र मार्ग से सुखपूर्वक जाया जा सकता है पर उससे अपने ईप्सित नगर में प्रलंब काल में पहुंचा जाता है। अंत में वह मार्ग भी ऋजु मार्ग में ही मिल जाता है। जो ऋजु मार्ग है, उससे नगर में शीघ्र पहुंचा जा सकता है, परंतु उसमें गमन करना कष्टदायी है। वह अत्यन्त विषम और संकड़ा है। उसके प्रवेश पर ही दो महा भयंकर व्याघ्र और सिंह रहते हैं। वे मार्ग के दोनों छोर पर पड़े रहते हैं। उनको छोड़े बिना मार्ग को पार करना संभव नहीं है। मार्ग के अवसान तक वे पीछा करते हैं। वहां मार्गगत अनेक मनोहर वृक्ष हैं। उनकी छाया में विश्राम नहीं करना चाहिए क्योंकि उनकी छाया मारणांतिक है। वृक्ष के जो पत्ते नीचे गिरे हुए हों, वहीं कुछ क्षण विश्राम किया जा सकता है। वहां मार्गान्तर में स्थित अनेक रूपवान् पुरुष मधुर वाणी से पथिकों को बुलाते हैं। उनके वचन कभी नहीं सुनने चाहिए। अपने सार्थ वालों का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए क्योंकि एकाकी को निश्चित ही भय होता है। दुरन्त और घोर दावाग्नि आने पर अप्रमत्त होकर उसको बुझाने का प्रयत्न करना चाहिए। यदि उसे बुझाया न जाए तो वह जलती ही रहती है। जो दुर्ग और ऊंचे पर्वत हैं, उन्हें सावधानीपूर्वक पार करना है। उसे पार न करने पर निश्चित ही मृत्यु है। उसके बाद एक बड़ा गहन बांस का झुरमुट पार करना होगा। अन्यथा उसमें रहने से अनेक दोष उत्पन्न हो सकते हैं। उसके आगे एक छोटा गढ़ा है, जिसके पास मनोरथ नामक ब्राह्मण सदा बैठा रहता है। वह बोलेगा—'इस गड्ढे को थोड़ा भर दो। उसकी यह बात नहीं सुननी चाहिए क्योंकि वह गड्डा भरने वाला नहीं है। ज्यों-ज्यों वह गड्डा भरा जाता है, त्यों-त्यों बड़ा होता जाता है। उससे गंतव्य मार्ग टूट जाते हैं। इस मार्ग में किम्पाक के पांच प्रकार के फल प्राप्त होंगे, वे आंखों के लिए सुखकर तथा प्रेक्षणीय हैं, परन्तु उनको कोई न खाए। इस पथ पर बावीस पिशाच रहते हैं, जो महाभयंकर और घोर हैं। वे प्रतिफल पथिकों को सतते हैं। उनकी भी परवाह नहीं करनी चाहिए। भक्तपान वहां विरल एवं दुर्लभ है। वहां बिना रुके सतत चलते रहना है। रात्रि में केवल दो प्रहर सोना है और शेष दो प्रहर चलते रहना है। इस प्रकार चलने से ही अटवी को शीघ्र पार किया जा सकेगां। उसको पार कर एकान्त सुखमय शिवपुर नगरी में पहुंचा जा सकता है। वहां किसी प्रकार के क्लेश की उत्पत्ति नहीं होती।
कुछ पथिक उस लौकिक देशिक के साथ ऋजु मार्ग से चले और कुछ वक्र मार्ग से। वह देशिक प्रशस्त दिन देखकर वहां से चला। वह आगे-आगे चलते हुए मार्ग को सम करता और मार्गत शिलाओं पर मार्ग के गुण-दोष बताने वाले अक्षर उत्कीर्ण करता और यह भी लिखता कि कितना मार्ग तय किया है और कितना शेष है। इस प्रकार उस देशिक के अनुसार चलने वाले पथिक गन्तव्य तक पहुंच गए और जो मार्गगत वृक्षों की छाया में विश्राम करने लगे वे यथासमय वहां नहीं पहुंच पाए।
१३०. अप्रशस्त राग-( अर्हन्मित्र )
क्षितिप्रतिष्ठित नगर में दो भाई रहते थे अईन्नक और अर्हन्मित्र। बड़े भाई को पत्नी छोटे भाई में अनुरक्त हो गई। छोरा भाई उसको नहीं चाहता था। वह उसे पीड़ित करने लगी। तब उसने कहा—'क्या तुम मेरे भाई को नहीं देखती?' उसने अपने पति अर्हन्नक को मार डाला फिर अर्हन्मित्र से बोली—'क्या अब भी तुम मुझे नहीं चाहोंगे? अर्हन्मित्र के मन में इस स्थिति से विरक्ति उत्पन्न हुई और वह प्रव्रजित हो गया। वह भी आर्त्तध्यान से मरकर कुतिया बनी। साधु उस ग्राम में गए, जहां वह कुतिया उत्पन्न हुई थीं। कुतिया ने मुनि को देखा। वह उसके पीछे लग गई और बार-बार उसका आश्लेष करने लगी। 'यह उपसर्ग है—'ऐसा सोचकर मुनि रात्रि में वहां से विहार कर गए। वह कुतिया मरकर अटवी में बंदरी बनी। एक बार वे मुनि कर्मधर्म संयोग से उसी अटवी के मध्य से गुजर रहे थे। बंदरी ने मुनि को देखा और उनके कंठों से चिपक गई। मुनि बड़ी मुश्किल से छुटकारा पाकर पलायन कर गए। वहां से मरकर वह बंदरी यक्षिणी हुई। उसने अपने अवधिज्ञान से देखा पर वह मुनि के छिद्र नहीं खोज पाई क्योंकि मुनि अप्रमत्त थे। वह पूर्णरूप से मुनि के छिद्र देखने लगी।
काल बीतने पर मुनि के समवयस्क श्रमणों ने उससे कहा—'अर्हन्मित्र! धन्य हो तुम क्योंकि तुम कुतिया और बंदरी के प्रिय हो।' एक बार वह मुनि गढ़े को पार कर रहा था। उसमें 'पादविष्कंभ' जितना पानी था। उसने पानी को पार करने के लिए पैर पसारे। गतिभेद हुआ तब यक्षिणी ने छिद्र देखकर उसका ऊरु तोड़ डाला। कहीं मैं पानी में गिरकर अप्काय की विराधना न कर डालूं—'यह सोचकर मिथ्यादुष्कृत कहता हुआ वह मुनि जमीन पर गिर पड़ा। सम्यग्दृष्टि वाली किसी दूसरी यक्षिणी ने उस पूर्व यक्षिणी को डांटा और देवप्रभाव से मुनि का ऊरु पुन: उसी स्थान पर जुड़ गया।
१३१. अप्रशस्त द्वेष ( नाविक नंद और साधु)
नन्द नामक नाविक लोगों को गंगा नदी के आर-पार पहुंचाता था। एक बार धर्मरुचि अनगार नाव में बैठकर गए। तट आने पर अन्यान्य लोग नाविक को भृति (मूल्य) देकर चले गए। अनगार बिना मूल्य दिए जाने लगे। नाविक ने उन्हें रोक लिया। उस गांव की भिक्षा-वेला अतिक्रान्त हो गई। फिर भी नाविक ने उन्हें मुक्त नहीं किया। उस तप बालु में वे मुनि भूखे-प्यासे खड़े थे। वे कुपित हो गए। मुनि दृष्टिविषलब्धि से सम्पन्न थे। नाविक की ओर दृष्टि जाते ही वह जलकर भस्म हो गया और मरकर एक सभा में छिपकली बना। संयोग से साधु भी विहार करते—करते उसी गांव में पहुंचे। गांव में भिक्षा ग्रहण कर उस सभा में भोजन करने बैठे। छिपकली उसी कमरे की भित्ति पर थी। उसकी दृष्टि मुनि पर पड़ी। वह क्रोधारुण हो गई। जब मुनि भोजन करने लगे, तब वह ऊपर से कचरा गिराने लगी। मुनि अन्यत्र जाकर बैठे। वहां भी उसने वैसा ही किया। मुनि स्थान बदलते रहे और वह भी वहां जाती रही। मुनि को भोजन करने का स्थान नहीं मिला। मुनि ने छिपकली की ओर देखा और सोचा—'अरे! यह कौन है?' उन्हें याद आया यह तो पापी नाविक नंद है। मुनि ने अपनी दृष्टि से उसको जला डाला।
जहां गंगा समुद्र में प्रविष्ट होती है, वह स्थान प्रतिवर्ष बदल जाता है। वह भिन्न-भिन्न मार्ग से बहती है। जो पुरातन मार्ग होता है, वह मृतगंगा कहलाता है। वह छिपकली मरकर मृतगंगा में हंस रूप में उत्पन्न हुई। एक बार मुनि माघ मास में सार्थ के साथ प्रभातकाल में उधर से निकले। हंस ने मुनि को देखा। वह अपने पंखों में पानी भरकर मुनि को सींचने लगा। वहां भी वह हंस जलकर सिंह योनि में अंजनक पर्वत पर जन्मा। एक बार मुनि सार्थ के साथ उधर से विहरण कर रहे थे। सिंह मुनि को देखकर उठा। सारा सार्थ भाग गया। सिंह ने मुनि को पकड़ लिया। मुनि ने उसे जला डाला। वहां से मरकर वह बनारस में एक बटुक बना। मुनि वहां गए और भिक्षा के लिए घूमने लगे। उस समय अन्य बालकों के साथ वह बटुक भी उनको मारने लगा, धूलि फेंकने लगा। मुनि ने रुष्ट होकर उस बटुक को जला डाला। वह बटुक मरकर वहीं का राजा बन गया। वह अपने पूर्वजन्म की स्मृति करने लगा। उसने अपने पूर्वभव के अशुभ जन्मों को देखा और सोचा यदि मैं अभी मारा जाऊंगा तो सबके द्वारा तिरस्कृत होऊंगा इसलिए उसने अपने ज्ञान से एक समस्या प्रस्तुत करके कहा—'जो इस समस्या की पूर्ति करेगा, उसे मैं आधा राज्य दूंगा।' वह समस्या इस प्रकार है—'गंगा नदी पर नाविक नंद, सभा में छिपकली, मृतगंगा के तट पर हंस, अंजनकपर्वत पर सिंह, बनारस में बटुक और वहीं राजा।' लोगों ने यह समस्या सुनी। आबाल-गोपाल इस समस्या को पढ़ने लगे।
एक बार मुनि विहार करते हुए बनारस आए और उद्यान में ठहरे। उद्यानपालक भी यही समस्या बार-बार उच्चारित कर रहा था। मुनि के पूछने पर उसने सारी बात बता दी। मुनि बोला—'मैं इस समस्या की पूर्ति कर दूंगा।' मुनि ने कहा—'जो इन सबका घातक है, वह यहीं आया हुआ है।' वह आरामिक राजा के समक्ष गया और यही बात कही। इस बात को सुनकर राजा मूर्च्छित होकर गिर पड़ा। राजा के आरक्षक आरामिक को पकड़ कर मारने लगे। उसने कहा—'जिसने इसकी पूर्ति की है, वह हन्यमान है, मैं इस संदर्भ में कुछ नहीं जानता। एक मुनि ने मुझे यह पूर्ति दी है। राजा की मूर्च्छा टूटी।' राजा ने पूछा—'यह पूर्ति किसने की?' आरामिक बोला—'एक श्रमण ने।' राजा ने श्रमण के पास अपने आदमियों को भेजा और पूछा—आपकी अनुमति हो तो मैं आपको वंदना करने आऊं। मुनि ने अनुमति दी। राजा आया और मुनि के समक्ष श्रावक बन गया। मुनि पूर्वाचरित पापों का प्रायश्चित्त कर सिद्ध हो गए।
१३२. परशुराम
बसंतपुर नगर में एक सेठ का घर उजड़ गया। एक बालक बचा। वह एक सार्थवाह के साथ देशांतर के लिए निकला। सार्थवाह ने उसे छोड़ दिया। घूमते-घूमते वह एक तापसपल्ली में पहुंचा। उसका नाम आग्निक था। वह तापसों के यहां बढ़ने लगा। तापसाश्रम के अधिपति का नाम यम था। यम का पुत्र होने के कारण उसका नाम जामदग्निक हो गया। वह घोर तप तपने लगा। सर्वत्र उसकी ख्याति फैल गई।
दो देव थे। उनमें एक का नाम वैश्वानर था, वह श्रमणभक्त था। दूसरे देव का नाम धन्वन्तरी था, वह तापसभक्त था। दोनों देवों ने परस्पर परामर्श कर यह निश्चय किया कि हमें श्रमण और तापस की परीक्षा करनी है। जो श्रावक देव था, वह बोला—श्रमणों में जो सबसे अंतिम है उसका तथा तापस में जो सर्वप्रधान है,उसकी परीक्षा करेंगे।
मिथिला नगरी में तरुणधर्मा पद्मरथ राजा राज्य करता था। वह भगवान् वासुपूज्य के पास प्रव्रजित होने के लिए चंपा जा रहा था। देवताओं ने भक्त और पान से उसकी परीक्षा की। विषम रास्ते में उसके कोमल शरीर को कष्ट देना प्रारम्भ किया। देवों ने अनुलोम उपसर्ग भी उपस्थित किए फिर भी वह अत्यंत स्थिर रहा। देव उसे क्षुभित नहीं कर सके। दोनों देव पक्षी का रूप बनाकर जामदग्निक के पास गए। तापस की जटा में उन्होंने नीड़ बना लिया। पुरुष शकुनि ने कहा—'भद्रे! मैं हिमवान् पर जाना चाहता हूं।' वह बोली—'वहां मत जाओ।' शकुनि गोघातक आदि की शपथपूर्वक कहने लगा—'मुझे जाना ही है।' वह बोली—'मैं इन शपथों में विश्वास नहीं करती। यदि तुम इस ऋषि के पापों को पी सकते हो तो मैं वहां जाने की अनुमति दूंगी।' यह सुनकर ऋषि रुष्ट हो गया। उसने दोनों हाथों से दोनों पक्षियों को पकड़ लिया और अपने पाप के बारे में पूछने लगा। पूछने पर वे पक्षी बोले—'महर्षे! तुम अनपत्य हो।' ऋषि ने स्वीकृति दी और वह क्षुब्ध हो गया। तापसभक्त देव श्रावक बन गया। इधर ऋषि जामदग्निक अपनी आतापना को छोड़कर मृगकोष्ठक नगर में गया। वहां जितशत्रु राजा राज्य करता था। ऋषि को देखकर राजा अपने आसन से उठा और पूछा—'महर्ष! आपको क्या दूं?' ऋषि बोले—'अपनी पुत्री दो।' राजा बोला—'मेरी सौ पुत्रियां हैं, जो आपको पसंद आए उसे ले जाओ।' ऋषि कन्याओं के अन्त:पुर में गया। ऋषि को देखकर कन्याओं ने थूका और कहा—'लज्जा नहीं आती इस प्रकार आते हुए।' यह सुनकर ऋषि ने सबको कुब्जा बना डाला।
राजा की एक कन्या धूल में खेल रही थी। ऋषि ने उसको एक फल देते हुए कहा—'क्या तुम इसे लेना चाहोगी?' उस कन्या ने हाथ फैलाए। ऋषि उसको लेकर चलने लगा। सारी कुब्जा कन्याएं आकर ऋषि से बोलीं—'आप अपनी सालियों को पुन: रूप दें, मूल की स्थिति में ले आएं।' ऋषि ने सबको मूलरूप में परिवर्तित कर दिया। तब से उस नगर का नाम कन्याकुब्ज हो गया। ऋषि उस छोटी कन्या को लेकर आश्रम में पहुंचा। उसके साथ गाएं—'भैंसे तथा दास-दासी भी गए। वह कन्या वहां बड़ी हुई और जब वह यौवन को प्राप्त हुई तब उसके साथ ऋषि ने विवाह कर लिया। एक बार जब वह ऋतुधर्मा हुई तब जामदग्निक ने उसे कहा—'मैं तुम्हारे 'चरुक' करूंगा, जिससे तुम्हारा जो पुत्र होगा वह ब्राह्मणों में प्रधान होगा।' उसने स्वीकार कर लिया। उसने ऋषि से कहा—'मेरी बहिन हस्तिनापुर में अनन्तवीर्य की पत्नी है। उसके लिए भी क्षत्रिय चरुक करें।' ऋषि ने वैसा ही किया। तापसपत्नी ने सोचा—'मैं तो जंगल की मृगी हो गई। मेरा पुत्र ऐसे ही नष्ट न हो जाए', यह सोचकर उसने क्षत्रियचरुक को खा लिया और अपनी बहिन के लिए दूसरा भेजा। दोनों के पुत्र हुए। तापस-पत्नी के पुत्र का नाम राम और दूसरी के पुत्र का नाम कार्त्तवीर्य रखा गया।
राम आश्रम में बढ़ रहा था। एक बार एक विद्याधर वहां आया। राम उसके साथ लग गया। उसने विद्याधर की परिचर्या को। विद्याधर ने प्रसन्न होकर उसे 'परशुविद्या' दी। उसने उसे सिद्ध कर ली। ऋषि-पत्नी रेणुका अपनी बहिन के घर गई। वह राजा में अनुरक्त हो गई। उससे उसके पुत्र हुआ। जमदग्नि पुत्र के साथ ही रेणुका को आश्रम में ले आया। राम ने रुष्ट होकर रेणुका को पुत्रसहित मार डाला। उसने आश्रम में ही रहकर धनु:शास्त्र सीखा था। रेणुका की बहिन (राजा की पत्नी) ने बहिन की मृत्यु का वृत्तान्त सुना। उसने राजा से कहा। राजा आश्रम में आया और उसको नष्ट-भ्रष्ट कर गायों को लेकर चला गया। राम को यह बात ज्ञात हुई। उसने राजा का पीछा कर, उसे परशु से मार डाला। कार्त्तवीर्य राजा बना। उसकी रानी का नाम तारा था। एक बार उसे पिता की मृत्यु का वृत्तान्त बताया। कार्त्तवीर्य ने आकर जमदग्नि को मार डाला। राम को यह ज्ञात हुआ तो उसने जलते हुए परशु से कार्त्तवीर्य को मार डाला और स्वयं राजा बन गया। इधर वह तारा देवी संभ्रम से पलायन कर आश्रम में आई। उसका गर्भ मुख की ओर से नीचे आकर गिरा। उसका नाम सुभूम रखा गया। राम का परशु जहां-जहां क्षत्रिय को देखता, वह जलने लग जाता। एक बार राम तापस आश्रम के पास से गुजर रहा था। परशु जल उठा। तापसों ने कहा—'हम क्षत्रिय नहीं हैं।' राम ने सात बार पृथ्वी को नि: क्षत्रिय कर डाला अर्थात् पृथ्वी से सभी क्षत्रियों को मार डाला और उनके जबड़ों से थाल भरा। इस प्रकार क्रोध के वशीभूत होकर राम ने क्षत्रियों का वध किया।
१३३. सुभूम
वह सुभूम वहां बढ़ रहा था। वह विद्याधर से परिगृहीत था। इधर राम ने नैमित्तिक से पूछा—'मेरा विनाश किससे होगा?' नैमित्तिक बोला, जो इस सिंहासन पर बैठेगा और इन जबड़ों की खीर खाएगा, उससे ही तुम्हें भय है।' राम ने अलग भोजन बनवाया। उसे सिंहासन पर रखा। जबड़े से भरा थाल उसके आगे रखा गया। इधर मेघनाद नामक विद्याधर ने अपनी पुत्री पद्मश्री के विषय में नैमित्तिक से पूछा—'इसका विवाह किसके साथ करें?' नैमित्तिक ने कहा—'सुभूम को यह कन्या दी जाए, वह चक्रवर्ती बनेगा।' विष आदि से परीक्षा करने पर उसे विश्वास हो गया कि यह चक्रवती बनेगा। मेघनाद सुभूम के पीछे-पीछे रहने लगा। काल बीतता रहा।
एक बार सुभूम ने अपनी माता से पूछा—'क्या लोक इतना ही है या और भी है?' उसने राम की सारी बात बताई और कहा—'तुम भत जाओ, अन्यथा मारे जाओगे।' सुभूम बोला—मृत्यु भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकेगी। सुभूम मान के वशीभूत होकर हस्तिनापुर की उस सभा में गया और सिंहासन पर बैठा। सारे देव पलायन कर गए। वे दंष्ट्राएं खीर बन गईं। ब्राह्मण उसको मारने लगे। विद्याधर ने वे प्रहार ब्राह्मणों पर गिराने प्रारंभ किए। तब सुभूम विश्वस्त होकर खीर खाने लगा। राम को जब यह बात ज्ञात हुई तो वह सन्नद्ध होकर वहां आया और अपने परशु को फेंका लेकिन वह बुझ गया। सुभूम उसी थाल को लेकर उठा, वह चक्ररत्न हो गया। उसने उससे राम का शिरच्छेद कर डाला। फिर सुभूम ने अहंकार वश इक्कीस बार पृथ्वी को ब्राह्मण रहित कर डाला। उसने ब्राह्मणियों के गर्भों को फाड़ कर नष्ट कर डाला।
१३४. पांडु आर्या
आर्या पांडु ने भक्तप्रत्याख्यान कर अनशन स्वीकार किया। उसने अपनी ख्याति और पूजा के लिए तीन बार लोगों को एकत्रित किया। आचार्य को यह ज्ञात हुआ। उन्होंने उसे आलोचना करने के लिए कहा। उसने आलोचना की। तीसरी बार उसने आलोचना नहीं की। गुरु द्वारा पूछने पर उसने कहा—'पूर्वाभ्यास के कारण लोग आते हैं।' वह मरकर मायाशल्य दोष के कारण किल्विषिक देव के रूप में उत्पन्न हुई।
१३५. सर्वांगसुंदरी
बसन्तपुर नगर में जितशत्रु राजा था। वहां धनपति और धनावह नामक भाई श्रेष्ठी थे। उनकी बहिन का नाम धनश्री था, जो बालविधवा थी। वह धर्मध्यान में लीन रहती थी। एक बार मासकल्प की इच्छा से आचार्य धर्मघोष वहां आए। धनश्री उनके पास प्रतिबुद्ध हुई। दोनों भाई भी बहिन के स्नेहवश आचार्य के पास प्रतिबुद्ध हुए। धनश्री प्रव्रजित होना चाहती थी पर भाई उसको सांसारिक स्नेह के कारण दीक्षा की अनुमति नहीं दे रहे थे।
धनश्री धार्मिक कार्यों में बहुत अधिक व्यय करने लगी। उसकी दोनों भौजाइयां उसके इस कार्य से बहुत क्लेश पाती थीं और अंटसंट बोलती रहती थी। धनश्री ने सोचा—'मुझे भाइयों के चित्त की परीक्षा करनी चाहिए। इनसे मुझे क्या? शयनकाल में विश्वस्त होकर माया से आलोचना करके वह भाभी से धार्मिक चर्चा करने लगी। फिर आवाज बदलकर उसका पति सुन सके वैसी आवाज में भाभी से बोली—'और अधिक क्या? शाटिका की रक्षा करना।' यह सुनकर भाई ने सोचा—'निश्चित ही मेरी पत्नी दुश्चरित्रा है। भगवान् ने असती स्त्रियों के पोषण का निषेध किया है अत: मुझे इसका परित्याग कर देना चाहिए, यह सोचकर उसने पर्यंक पर बैठी हुई अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया। उसने सोचा—'यह क्या हुआ?' भाई ने अपनी पत्नी से कहा—'तुम मेरे घर से निकल जाओ।' उसने सोचा—'मैंने ऐसा क्या दुष्कृत किया, जो मुझे घर से निकाला जा रहा है।' उसे अपनी कोई भी गलती याद नहीं आई। उसने भूमि पर बैठ कर कष्ट से सारी रात बिताई। प्रभात होने पर वह म्लान बनी हुई बाहर आई। धनश्री ने कहा—'आज इतनी म्लान क्यों हो?' उसने रोते हुए बताया—'मुझे मेरा कोई अपराध नहीं दीख रहा है फिर भी मुझे घर से निष्कासित किया जा रहा है।' धनश्री बोली—'तुम विश्वस्त रहो। मैं तुम्हें तुम्हारे पति से मिला दूंगी।' धनश्री ने अपने भाई से कहा—'यह क्या? यह म्लान क्यों है?' भाई बोला—'यह दु:शीला है।' धनश्री ने पूछा—'यह कैसे जाना?' उसका भाई बोला—'यह तुम्हारी बात से ही ज्ञात हुआ है।' भाई ने कहा—'मैंने भगवान् की देशना सुनी है। उन्होंने असती स्त्रियों के निवारण की बात कही है। धनश्री बोली—'अहो, तुम्हारी पंडिताई और विचार करने की क्षमता भी विचित्र है। मैंने सामान्य रूप से तुम्हारी पत्नी को भगवान् की देशना सुनाई और शाटिका की रक्षा करने की बात कही। क्या इतने मात्र से वह दुश्चारिणी हो गई?' यह सुनकर भाई लज्जित हुआ और मिथ्या दुष्कृत किया। धनश्री ने सोचा कि मेरा भाई सम्पूर्णत: पवित्र और निर्मल रूप को स्वीकार करना चाहता है। दूसरे भाई को भी इसी प्रकार परीक्षा हुई। उसने भाभी से कहा—'और अधिक क्या कहूं? तुम हाथ की रक्षा करना।' यह सुनकर उसने भी अपनी पत्नी को तिरस्कृत करके घर से निकालना चाहा लेकिन बहिन ने उसे यथार्थ स्थिति की अवगति दी। धनश्री ने सोचा—'मेरा यह भाई भी पूर्ण पवित्रता को स्वीकार करने वाला है।' माया और अभ्याख्यान दोष से उसने तीव्र कर्म बांध लिए। उसकी आलोचना-प्रतिक्रमण किए बिना ही तीव्र भावना से वह प्रव्रजित हो गयी।
दोनों भाई भी अपनी पत्नियों के साथ प्रव्रजित हो गए। आयुष्य का पालन कर सभी देवलोक में उत्पन्न हुए। वहां से दोनों भाई पहले च्युत होकर साकेत नगर में सेठ अशोकदत्त के घर में पुत्ररूप में उत्पन्न हुए। उनका नामसमुद्रदत्त और सागरदत्त रखा गया। पूर्वभव की बहिन धनश्री भी वहां से च्युत होकर गजपुर नगर में धनवान् श्रावक शंख के घर में पुत्री के रूप में उत्पन्न हुई। वह अत्यंत सुंदर थी इसलिए उसका नाम 'सर्वागसुंदरी' रखा गया। दोनों भाइयों की दोनों पत्नियां देवलोक से च्युत होकर कौशलपुर में नन्दन नामक धनिक के घर में दो पुत्रियों के रूप में जन्मीं। दोनों का नाम रखा गया—'श्रीमती और कांतिमती। दोनों यौवन अवस्था को प्राप्त हुई।
एक बार सर्वागसुंदरी साकेत नगर से गजपुर आई। अशोकदत्त श्रेष्ठी भी वहां आया हुआ था। उसने सर्वांगसुंदरी को देखा और पूछा—'यह किस की कन्या है?' उसे बताया गया कि यह शंख श्रेष्ठी की कन्या है। उसने शंख से अपने पुत्र समुद्रदत्त के लिए ससम्मान उसकी याचना की। शंख की स्वीकृति पर विवाह संपन्न हो गया। कुछ समय पश्चात् समुद्रदत्त उसे लेने आया। ससुराल वालों ने उसका स्वागत किया। वासगृह सजाया गया। उसी समय सर्वांगसुंदरी के माया के कारण बंधा हुआ कर्म उदय में आ गया। समुद्रदत्त वासगृह में बैठा था। उसने जाती हुई द्रैविकी पुरुष-छाया को देखा और सोचा—'मेरी पत्नी दु:शीला है क्योंकि कोई उसको देखकर अभी-अभी गया, है।' इतने में ही सर्वांगसुंदरी वासगृह में आई। पति ने उसके साथ आलाप-संलाप नहीं किया। अत्यंत दु:खी होकर उसने धरती पर उदास बैठकर रात बिताई। प्रभात होने पर उसका पति अपने स्वजनवर्ग से बिना पूछे केवल एक ब्राह्मण को बताकर साकेत नगर चला गया। उसने कौशलपुर के श्रेष्ठी नन्दन की पुत्री श्रीमती और उसके भाई ने नन्दन की दूसरी पुत्री कान्तिमती के साथ विवाह कर लिया। सर्वांगसुंदरी ने जब इस विवाह की बात सुनी तो वह अत्यंत खिन्न हो गई। अब उसके और पति समुद्रदत्त के बीच व्यवहार समाप्त हो गया। सर्वांगसुंदर धर्म-ध्यान में तत्पर रहने लगी और कालान्तर में वह प्रव्रजित हो गई।
एक बार अपनी प्रवर्तिनी के साथ विहरण करती हुई वह साकेत नगर में आई। उस समय सर्वांगसुंदरी के माया द्वारा बंधा हुआ दूसरा कर्म उदय में आया। वह पारणक करने के लिए नगर में भिक्षाचर्या के लिए श्रीमती के घर गई। उस समय वह शयनगृह में हार पिरो रही थी। साध्वी को देखकर हार को वहां रख कर वह भिक्षा देने उठी। इतने में ही चित्र में चित्रित एक मयूर उतरा और हार को निगल गया। साध्वी ने सोचा—'यह कैसा आश्चर्य?' भिक्षा लेकर साध्वी चली गई। श्रीमती ने देखा कि हार नहीं है। उसने सोचा, यह कैसी गजब की क्रीड़ा। परिजनों के पूछने पर वे बोले—'यहां केवल एक आर्या के अतिरिक्त कोई नहीं आया।' श्रीमती ने साध्वी का तिरस्कार किया और घर से निकाल दिया। साध्वी ने अपने उपाश्रय में जाकर प्रवर्तिनी से मयूर वाली आश्चर्यकारी बात कही। प्रवर्तिनी बोली—'कर्मों का परिणाम विचित्र होता है।' वह साध्वी उग्रतप करने लगी। अनर्थ से भयभीत होकर उसने श्रीमती के घर जाना छोड़ दिया। श्रीमती और कांतिमती के पति अपनी पत्नियों का उपहास करने लगे परन्तु दोनों विपरिणत नहीं हुई। उग्रतप करने वाली साध्वी सर्वांगसुंदरी के कर्म कुछ शिथिल हुए।
एक बार श्रीमती अपने पति के साथ वासगृह में बैठी थी। उस समय चित्र से नीचे उतरकर मयूर ने हार को उगल दिया। यह देखकर दोनों में विरक्ति पैदा हुई। उन्होंने सोचा—'ओह! साध्वी की कितनी गंभीरता है कि उसने कुछ नहीं बताया।' वे उससे क्षमायाचना करने प्रवृत्त हुए। इतने में ही साध्वी को केवलज्ञान हो गया। देवताओं ने उसकी महिमा की। वे दोनों पति-पत्नी वहां आए। साध्वी से कारण पूछने पर उसने पूर्वभव का कथन किया। वे भी प्रव्रजित हो गए।
१३६. माया विषयक शुक की कथा
एक वृद्ध अपने पुत्र के साथ दीक्षित हुआ। पुत्र सुखशील बन गया। पिता ने उसकी सभी इच्छाएं पूरी कीं। अन्त में पुत्र ने कहा—'मैं स्त्री के बिना नहीं रह सकता।' तब पिता ने उसे तिरस्कृत करके निकाल दिया। अब वह नौकरी करता हुआ इधर-उधर घूमने लगा। एक दिन वह आर्त्तध्यान से दु:खी होकर मर गया। माया के दोष से मरकर वह एक वृक्ष के कोटर में शुक रूप में उत्पन्न हुआ। उसे जातिस्मृति ज्ञान उत्पन्न हुआ और वह आख्यानक तथा धर्मकथा करने लगा। एक वनचारी ने उसे पकड़ लिया। उसने उसका एक पैर और एक आंख निकाल कर उसे लंगड़ा और काना बना दिया। वह उसे बेचने के लिए बाजार में ले गया परन्तु उसे कौन खरीदता? एक श्रावक की दुकान पर शुक को रखकर वह दूसरी दुकानों से मूल्य लेने गया। शुक ने अपना परिचय दिया। आवक जिनदास ने उसे खरीद लिया और पिंजरे में डाल दिया। उसके स्वजन मिथ्यादृष्टि थे। शुक उन्हें धर्म बताने लगा। धर्म से वे उपशांत हो गए।
एक बार उस श्रावक का पुत्र माहेश्वर की पुत्री को देखकर उन्मत्त हो गया। उस दिन उन सभी ने न धर्म सुना और न प्रत्याख्यान ही किया। पूछने पर उन्होंने यथार्थ बात बता दी। शुक ने कहा—'तुम विश्वस्त रहो।' तोते ने पुत्र को सिखा दिया कि तुम जाओ, भस्म लगाने वाले संन्यासियों के पास जाकर ठीकरियों की अर्चना करो। बाद में एक ईंट को उखाड़कर मुझे पीछे से मारना। उसने वैसा ही किया। संन्यासियों का श्रद्धालु लड़की का पिता उसके पैरों में लुठकर बोला—'मेरी पुत्री को वर दो।' शुक बोला—'धनाढ्य जिनदास को पुत्री ब्याह दो।' उसका विवाह हो गया। वह पुत्री अहंकार से ग्रस्त हो गई और यह मानने लगी कि मैं देवदत्ता हूं अर्थात देवता द्वारा प्रदत्त हूं। एक बार शुक हंसा। पूछने पर उसने पूर्व वृत्तान्त बता दिया। यह सुनकर वह उसके प्रति ईर्ष्या करने लगी......। 'तुम पंडित हो' यह कहकर वह उसकी पांख उखाड़ देती। शुक ने सोचा—मुझे काल बिताना है। एक दिन वह बोला—'मैं पंडित नहीं हूं।' पंडिता तो वह नाईन है।
एक बार नाईन खेत की ओर भत्ता लेकर जा रही थी। चोरों ने उसे पकड़ लिया। उसने कहा—'मुझे भी ऐसे पुरुष ही चाहिए। रात को तुम मेरे यहां आना। हम रुपयों को लेकर भाग जायेंगे। वे रात को आए। उसने क्षुरप्र से उन चोरों के नाक काट डाले। दूसरे दिन खेत की ओर जाते हुए चोरों ने उसे फिर पकड़ लिया। वह सिर पीटती हुई बोली—'तुम कौन हो?' वह उनके साथ भाग गई। एक गांव में शराब बेचने वाले के घर भक्त लाने के बहाने उन्होंने उसे बेच डाला। वे रुपये लेकर भाग गए। वह रात को एक वृक्ष के नीचे विश्राम करने लगी। वे चोर भी वहीं विश्राम करने लगे। वे गायों का अपहरण करके वहां लाए थे अत: उसका मांस खाने लगे। एक व्यक्ति मांस को लेकर वृक्ष के पास आकर दिशाओं की ओर देखने लगा। उसने स्त्री को देखा। वह स्त्री उसे रुपये दिखाने लगी। वह उस स्त्री के पास आया। उस स्त्री ने दांतों और जीभ से उसे पकड़ लिया। गिरते हुए को 'बैठ—'ऐसा कहने पर वह बैठ गया। अवसर देखकर वह मांस लेकर घर भाग गई। शुक बोला—'वह नाईन पंडिता थी, मैं पंडित नहीं हूं।' तब उसने उसकी दूसरी पांख उखाड़ कर शुक से कहा—'तुम पंडित हो।' शुक बोला—'मैं पंडित नहीं, पंडित तो वह वणिक् पुत्री है।' माहेश्वर की पुत्री ने पूछा—'वह वणिक् पुत्री पंडिता कैसे हुई?' इसका उत्तर देते हुए शुक बोला—
बसंतपुर नगर में एक वणिक् था। उसने एक दूसरे वणिक् के साथ शर्त लगाई कि जो माघ महीने में रात्रि को पानी के बीच खड़ा रहेगा, उसको मैं हजार रुपए दूंगा। एक दरिद्र वणिक् रात भर पानी में खड़ा रह गया। वणिक् ने सोचा—'यह इतनी शीत ऋतु में रात को पानी में कैसे रहा? मरा क्यों नहीं? ' वह उससे इसका कारण पूछने लगा। वह बोला—'इस नगर में एक दीपक जलता है, मैंने उसको देखते हुए पानी में पूरी रात बिता दी।' उस वणिक् ने शर्त के अनुसार हजार रुपए मांगे। वणिक् ने कहा—'तुम शर्त के अनुसार पानी में नहीं रहे अत: मैं रुपए नहीं दूंगा।' उसने रुपये न देने का कारण पूछा। वणिक् बोला—'तुम दीपक के प्रभाव से पानी में खड़े रह गए।' रुपए न मिलने पर वह अधीर हो गया। उसकी पुत्री बहुत बुद्धिमती थी। उसने पिता से अधैर्य का कारण पूछा। वणिक् बोला—'मैं व्यर्थ ही पूरी रात पानी के मध्य खड़ा रहा।' पुत्री बोली—'आप अधीर न बनें।' उष्णकाल आने पर आप उस वणिक् को अन्य व्यापारियों के साथ भोजन के लिए निमंत्रण देना। जब वे खाना खाते हुए पानी मांगें तो उनके सामने दूरी पर पानी रखकर कहना—'यह पानी है, प्यास बुझा लो।' वणिक् ने सभी व्यापारियों को भोजन के लिए निमंत्रित किया। सबने भोजन करने के पश्चात् पानी की मांग की। वह दरिद्र वणिक् बोला—'इस पानी को देखते हुए आप लोगों की तृषा दूर हो जाएगी।' वह व्यापारी बोला—'इस प्रकार दूर से पानी देखने से प्यास कैसे दूर होगी?' तब वह दरिद्र वणिक् बोला—'जब पानी को देखते हुए तुम्हारी प्यास नहीं बुझी तो दीपक देखते हुए मुझे ठंड नहीं लगी, यह कैसे संभव है?' वह जीत गया और व्यापारियों ने उसे हजार मुद्राएं दिलवा दी। उस व्यापारी ने सोचा—'इस मंदबुद्धि को यह बुद्धि किसने दी?' व्यापारी ने कारण पूछा तो उसने बताया कि पुत्री की बुद्धि से ऐसा संभव हुआ है। वह उसकी पुत्री से द्वेष करने लगा। रोष में आकर उसने उसकी कन्या के साथ शादी करना चाहा। पिता अपनी कन्या को उसे नहीं देना चाहता था। उसने सोचा कि कहीं मात्सर्य दोष से यह कन्या को भविष्य में दु:ख न दे। पुत्री ने पिता से कहा—'मेरा विवाह उसके साथ कर दो। क्या यह मुझे मार देगा, जो आप इतने भयभीत हो रहे हैं?' पिता ने पुत्री का विवाह कर दिया। उधर उस व्यापारी ने अपने घर में कुआ खुदवाना शुरू किया। पुत्री ने पिता से कहा आप जाकर खोज करो कि उसके घर के मध्य में क्या है गवेषणा करने पर ज्ञात हुआ कि वहां कुंआ खोदा जा रहा है। तब उस वणिक् पुत्री ने उस कुंए से लेकर अपने घर तक सुरंग खुदवा ली। उन दोनों का विवाह हो गया। शादी के बाद उसने पत्नी को कुंए में डाल दिया। उसके ऊपर सौ किलो कपास देते हुए कहा अब तुम्हारी पंडिताई का प्रयोग करो। मैं यात्रा पर जा रहा हूं। तुम इस कपास को कातो और तीन पुत्र मुझे दो। उसने अपने घर वालों को आदेश दिया कि इसे कोद्रव का भोजन और कांजी का पानी प्रतिदिन देते रहना है। वह भी सुरंग के माध्यम से अपने पिता के घर जाकर बोली—'इस कपास का सूत कतवाओ और जो भोजन कूप में मिले, उसे स्वीकार करो। मैं गणिकावेश में किसी दूसरे नगर में जा रही हूं।' उसने भाड़े पर एक मकान खरीदा। अपने व्यापारी पति को परिचित किया और उसे अपने घर लेकर आ गई। उसने पूछा—'तुम अभी तक कन्या कैसे रही हो?' वह बोली—'मै पुरुषद्वेषिणी हूं। तुम मुझे अच्छे लगे इसलिए तुम्हें अपने घर लेकर आई हूं।' उसने व्यापारी की सेवा की और अनेक वर्षों तक उसके साथ रही। उसके तीन पुत्र उत्पन्न हो गए। उसने व्यापारी से सारा धन ग्रहण कर लिया।
एक दिन व्यापारी अपने घर लौटा गया । वह भी गुप्त रूप से उसी सार्थ के साथ अपने गांव लौट आई और सबसे पहले अपने पिता के घर पहुंच गई। सूत और पुत्रों को लेकर वह उसी सुरंग से कुंए में चली गई। वणिक् अपने घर पहुंचा और उसको याद किया। वह पुराने द्वेष को भूलकर उसके प्रति दयामय हो गया था। उसने अपने परिजनों से पूछा—'क्या वह कुंए में भक्त-पान आदि ग्रहण करती थी?' परिजनों ने स्वीकृति दी। तब रस्सी से उसने कुंए में कुर्सी उतारी। कुर्सी पर पहले सारा सूत उतारा फिर दोनों पुत्रों को तथा बाद में तीसरे पुत्र के साथ वह बाहर आई। सारी बात सुनकर वह उस पर प्रसन्न हो गया और उसे गृहस्वामिनी बना दिया। शुक बोला—'इसलिए वह वणिक् पुत्र पंडिता थी, मैं नहीं।'
देवदत्ता ने फिर तोते की पांख उखाड़ी और कहा—'तुम पंडित हो।' शुक बोला—'पंडित मैं नहीं, पंडिता तो कौलजातीय वह स्त्री है।' एक कौलजातीय कुमारी कन्या थी। उसके माता-पिता एक दिन गांव चले गए अत: घर में वह अकेली थी। एक दिन एक चोर उसके घर घुस गया। वह उसको विश्वास दिलाती हुई बोली—'मेरी शादी मेरे मामा के पुत्र से होगी। जब मेरे पुत्र होगा तो उसका नाम चन्द्र रखा जाएगा।' बड़ा होने पर मैं उसे इस प्रकार आवाज दूंगी—'ओ चन्द्र इधर आ।' उसकी तेज आवाज सुनकर पड़ोसी चन्द्र आवाज करता हुआ वहां आया। उसे देखकर चोर भाग गया अत: पंडिता वह कौलजातीय कन्या थी, मैं नहीं।
माहेश्वर पुत्री ने पुन: तोते की एक पांख उखाड़कर कहा—'तुम पंडित हो।' तोते ने कहा—'पंडित मैं नहीं, वह कुलपुत्र की दारिका है।' जिज्ञासा करने पर तोते ने कथा प्रारंभ की—'बसंतपुर नगर में जितशत्रु राजा था। उसके कुलपुत्र के एक पुत्री थी।' एक बार राजा ने कहा—'जो मुझे असत् वस्तु का विश्वास दिला देगा, उसे मैं प्रचुर भोग सामग्री दूंगा।' वह कुलपुत्र सूर्यास्त के पश्चात् घर पहुंचा। उसकी पुत्री ने पूछा—'आज सूर्यास्त के पश्चात् क्यों आए?' कुलपुत्र ने कहा—'राजा ने आज घोषणा की है कि जो उसे असत् बात का विश्वास दिला देगा, उसको वह प्रचुर भोग-सामग्री देगा।' राजा की बात पर विचार करते—करते सूर्यास्त हो गया। उसकी पुत्री ने कहा—'मैं राजा को विश्वास दिला दूंगी।' कुलपुत्र उसे राजा के पास ले गया। वह राजा से बोली—'मैं घर में सबसे बड़ी कन्या हूं। मेरा विवाह मातुल पुत्र से किया गया। मेरे माता-पिता प्रवास पर चले गए।' एक बार वह मातुल पुत्र अतिथि के रूप में आया। वह मेरे हृदय में अवस्थित था अत: उसका खूब आतिथ्य किया। रात को उसे सर्प ने काट लिया। वह मर गया। रात्रि में ही मैं उसे श्मशानघाट ले गयी। वहां भयंकर शिव आदि देव उपद्रव करने लगे।' राजा ने बीच में पूछा—'क्या तुमको भय नहीं लगा?' वह बोली—'यदि यह बात सत्य होती तो भय लगता।' राजा पराजित हो गया।
इस प्रकार उस तोते ने वणिक् दारिका, तिलखादिका, कोलिणी आदि ५०० कथानक सुनाए। कथानक सुनते-सुनते रात बीत गई। उसने पंखविहीन उस तोते को मुक्त कर दिया। सम्यक् प्रकार उड़ने का सामर्थ्य न होने के कारण उस तोते को एक बाजपक्षी ने पकड़ लिया। दो बाजपक्षियों के लड़ने के कारण वह अशोकवनिका में गिरा। वहां एक दासी-पुत्र ने उसे देखा। तोते ने दासी-पुत्र से कहा—'तुम मेरी रक्षा और पालन-पोषण करो, समय आने पर मैं तुम्हारा काम करूंगा। उस दासीपुत्र ने उसका पोषण एवं संरक्षण किया।
संतान न होने के कारण राजा किसी अन्य को राज्य दे रहा था। वह तोता एक मिट्टी के मयूर के साथ लगकर रात को राजा से बोला—'तुम दासी पुत्र को राज्य दो।' राजा ने उसे राज्य दे दिया। राजा बने दासी-पुत्र से शुक ने सात दिन के लिए राज्य मांगा।
माहेश्वर और श्रावक जिनदास—'इन दोनों के कुल प्रव्रजित हो गए। उस शुक ने भक्तप्रत्याख्यान किया और सहस्रार देवलोक में उत्पन्न हुआ।
१३७. लोभ विषयक लुब्धनन्द का उदाहरण
पाटलिपुत्र नगर में लुब्धनन्द नामक वणिक् रहता था। वहां जिनदत्त श्रावक था। वहां का राजा जितशत्रु एक तालाब का उत्खनन करवा रहा था। तालाब खोदते समय कर्मकरों ने कुश्य देखे। हमारे मदिरापान के लिए इनका मूल्य पर्या्त होगा, यह सोचकर वे कुश्य-लोहे की कीलें लेकर बाजार में श्रावक के पास गए। उसने उन्हें लेने से इन्कार कर दिया। तब वे उन्हें नंद के पास ले गए। नन्द ने उन्हें लेकर कहा—'और भी ले आना, मैं ही उन्हें खरीद लूंगा।' अब वह प्रतिदिन कीलें लेने लगा। एक बार मित्रों के अत्यधिक आमंत्रण पर वह बलात् उनके साथ बाहर चला गया। जाते-जाते उसने पुत्रों से कहा—'लोह-कीलिकाएं आएं तो उन्हें ले लेना।' वह चला गया। पुत्रों ने लोहे की कीलें लाने पर उन्हें नहीं खरीदा। वे कर्मकर निराश और आक्रुष्ट होकर आपूपिकशाला में गए। 'यह न्यून मूल्य दे रहा है' यह सोचकर उन्होंने अपने कुश्य एकान्त में रख दिए। कुश्य से लोहे का किट्ट भूमि पर गिरा। राजपुरुषो ने यह देखा। उन्होंने कर्मकरों को पकड़ा और राजा के पास ले गए। उन्होंने राजा के समक्ष यथार्थ बात कह दी।
इतने में नन्द अपने घर गया और पुत्रों से पूछा—'कुश्य लिए या नहीं?' पुत्र बोले—क्या हम ग्रहग्रस्त हैं, जो कुश्य लें।' उसने सोचा इतने लाभ से मैं वंचित रह गया। लोभ के कारण उसने कुश्य से दोनों पुत्रों के एक-एक पैर काट डाले। स्वजन विलाप करने लगे। इधर राजपुरुष उस श्रावक तथा नंद को लेकर राजकुल में गए। उनसे यथार्थ बात पूछी गयी। श्रावक बोला—'मेरे इच्छापरिमाण व्रत है अत: अधिक न रखने का संकल्प है इसके अतिरिक्त धोखा देकर कपटपूर्वक वस्तु लेने का भी प्रत्याख्यान है—यह सोचकर मैंने ये कुश्य नहीं लिए। राजा ने श्रावक को ससत्कार मुक्त कर दिया। नंद को शूली पर चढ़ा दिया और उसके कुल का विनाश कर डाला। श्रावक को श्रीगृह का अधिकारी बना दिया।
९३८. श्रोत्रेन्द्रिय के प्रति आसक्ति
बसंतपुर नगर में पुष्पशाल नामक गांधर्विक रहता था। वह विरूप था परन्तु उसके स्वर बहुत मीठे थे। गायन से उसने बसंतपुर के लोगों का हृदय आकृष्ट कर लिया था। उस नगर का सार्थवाह दिग्यात्रा के लिए प्रस्थित हुआ। उसकी पत्नी का नाम भद्रा था। उसने किसी प्रयोजन से अपनी दासियों को बाहर भेजा। वे दासियां उस गांधर्विक का गायन सुनने बैठ गई। उन्हें समय का भान नहीं रहा। वे विलंब से घर पहुंचीं। भद्रा ने उन्हें उपालंभ दिया। दासियां बोलीं-'स्वामिनी! रुष्ट मत होओ। आज हमने जो सुना है, वह पशुओं को भी लुब्ध करने वाला था फिर भला कान से सुनने और समझने वालों का तो कहना ही क्या?' भद्रा ने पूछा—'कैसे?' दासियों ने सारी बात सुनाई। भद्रा ने मन ही मन सोचा—'मैं उसे कैसे देख पाऊंगी?'
एक बार नगर-देवता की यात्रा प्रारंभ हुई। सारा नगर वहां एकत्रित हो गया। भद्रा भी वहां गई। लोग नगर-देवता को प्रणाम कर घर लौटने लगे। प्रभात का समय था। पुष्पशाल गांधर्विक भी गाने से परिश्रान्त हो गया था अत: वहीं सो गया। सार्थवाही भद्रा दासियों के साथ वहां आई। वह देवता को प्रणाम कर मंदिर की परिक्रमा करने लगी। दासी ने बताया—'यही वह गायक है।' वह संभ्रान्त होकर उसके पास गई। देखा कि वह कुरूप और दंतुर है। वह बोली—'देख लिया, इसके रूप से ही इसका गायन जान लिया।' घृणा से उसनेउस पर थूक दिया। गायक की नींद टूटी विदूषकों ने उससे सारी बात कही। वह मन ही मन क्रोध से उबल पड़ा। दूसरे दिन गायक भद्रा के घर के बाहर प्रात:काल प्रोषितपतिका द्वारा बनाया गया गीत गाने लगा। कैसे वह पूछता है, कैसे चिन्तन करता है, कैसे पत्र लिखता है, कैसे आकर घर में प्रवेश करता है आदि। भद्रा ने सोचा—'पति पास में ही है, मैं जाऊं और उनका स्वागत करूं।' वह उठी और असावधानी के कारण ऊपर से नीचे गिरकर मर गई।
जब उसके पति ने सुना कि इस गायक ने मेरी पत्नी को मारा है तो एक दिन उसने उसको बुलाया। उसने गायक को पेट भरकर विशिष्ट भोजन करवाया। भोजन के बाद सार्थवाह ने गायक से गाते हुए ऊपर चढ़ने को कहा। उसने गाना प्रारंभ किया। ऊर्ध्व श्वास से उसका सिर फूट गया और वह मर गया।
१३९. चक्षु इन्द्रिय के प्रति आसक्ति
मथुरा नगरी में जितशत्रु राजा राज्य करता था। उसको रानी का नाम धारिणी था। वह स्वभावत: धर्मपरायणा थी। वहां एक भंडीरवन नामक चैत्य था। एक दिन उसकी यात्रा के लिए अपनी रानियों के साथ राजा तथा नगरजन सज-धज कर निकले। एक वाहन में एक वणिक् पुत्र ने यवनिका से बाहर निकले नुपूर सहित रानी के पैरों को देखा। उसके पैरों में अलक्तक लगा हुआ था। युवक ने सोचा कि जिस स्त्री के चरण इतने सुन्दर हैं, वह अवश्य ही स्वर्ग की अप्सरा से भी अधिक सुन्दर होगी। वह उसमें आसक्त हो गया। उसने पूछताछ कर जान लिया कि वह कौन है? उसने उसके घर के पास दुकान खरीद ली और उसकी दासियों से परिचय किया। उन्हें दुगुना धन देकर वह यह दर्शाने लगा कि वह स्वयं महामनुष्य है। वे दासियां उससे प्रभावित हो गई। उन्होंने रानी से भी कहा कि इस रूप वाला एक वणिक् पुत्र है। अब वे दासियां इस धनिक वणिक् के यहां से पदार्थ खरीदने लगीं। देवी भी वहीं से गंध आदि द्रव्य मंगाती थी। एक बार उस युवक ने दासी से पूछा—'कौन इन मूल्यवान् गंध-द्रव्यों का प्रयोग करती है?' दासी बोली—'मेरी स्वामिनी।' तब उस तरुण ने भूर्जपत्र पर कुछ लिखकर एक गंध-पुटिका में रख दिया। उसने लिखा—
काले प्रसुप्तस्य जनार्दनस्य, मेघान्धकारासु च शर्वरीषु।
मिथ्या न भाषामि विशालनेत्रे!, ते प्रत्यया ये प्रथमाक्षरेषु।।
कालोऽयमानंदकर: शिखीनां, मेघान्धकारश्च दिशि प्रवृत्त:।
मिथ्या न वक्ष्यामि विशालनेत्रे!, ते प्रत्यया ये प्रथमाक्षरेषु।।
इन दो श्लोको के चारों चरणों के प्रथम अक्षरों 'कामेमि ते' मैं तुमको चाहता हूं, लिखकर अपनी भावना व्यक्त की।
जब दासी गंधपुटिका लेने आई तब उसे वही गंधपुटिका देकर भेजा। देवी ने पत्र खोलकर पढ़ा और सोचा—'धिक्कार है भोगों को।' उसने प्रतिलेख लिखा और उसी गंधपुटिका में बंद कर दिया। दासी उस पुटिका को लेकर तरुण के पास जाकर बोली—'देवी ने कहा है कि गंध सुंदर नहीं है।' तरुण ने संतुष्ट होकर गंधपुटिका को खोला। पत्र में लिखा था—
नेह लोके सुखं किञ्चिच्छादितस्यांहसा भृशम्।
मितं च जीवितं नृणां, तेन धर्मे मतिं कुरु।।
पाद के प्रथम अक्षर से भावार्थ निकलता था 'नेच्छामि' अर्थात् मैं तुम्हें नहीं चाहती हूं। पत्र को पढ़कर युवक विषण्ण हो गया। वह दु:खी होकर अपने कपड़े फाड़ने लगा। उसने सोचा—'जब तक यह देवी प्राप्त न हो जाए, तब तक मैं जीवित कैसे रह सकता हूं?' वह वहां से चला और घूमता-घूमता दूसरे राज्य में चला गया। वहां वह सिद्धपुत्रों के आश्रम में रहा। वहां नीति की व्याख्या की जा रही थी।
'न शक्यं त्वरमाणेन, प्राप्तुमर्थान् सुदुर्लभान्।
भार्यां च रूपसपन्नां, शत्रूणां च पराजयम्।।'
इसकी व्याख्या करते हुए सिद्धपुत्रों ने यह कथानक सुनाया। बसंतपुर नगर में जिनदत्त नामक सार्थवाहपुत्र रहता था। वह श्रमणों का उपासक था। चंपा नगरी में धन नाम का सार्थवाह रहता था। वह परम ऋद्धिशाली था। उसके पास दो आश्चर्य थे—चार समुद्रो की सारभूत मुक्तावली और हारप्रभा नाम की पुत्री जिनदत्त ने यह बात सुनी। उसने सार्थवाह से हारप्रभा पुत्री की मांग की। धन सार्थवाह ने पुत्री को देने से इन्कार कर दिया। तब जिनदत्त ने ब्राह्मण का वेष बनाया और अकेला चंपा नगरी में गया। उस समय वहां पूजाकाल चल रहा था। वह एक अध्यापक के पास गया। पूछने पर कहा—'मैं पढ़ने के लिए आया हूं।' अध्यापक बोला—'मेरे पास भोजन की व्यवस्था नहीं है, अत: वह अन्यत्र कहीं प्राप्त कर लेना। धन सार्थवाह सरजस्कों को भोजन देता है।' वह धन के पास गया और बोला—'जब तक मैं विद्या-ग्रहण करूं, तब तक आप मेरे लिए भोजन की व्यवस्था करें।' धन ने स्वीकार कर लिया। उसने अपनी पुत्री हारप्रभा को बुलाकर कहा—'इसको भोजन दे देना।' जिनदत्त ने सोचा—'बहुत अच्छा हुआ।' चूहे ने बिडाल को मार डाला। अब वह हारप्रभा को फल आदि भेंट देने लगा। वह भेंट स्वीकार नहीं करती। जिनदत्त नियतिवादी था। वह अवसर-अवसर पर हारप्रभा को भेंट देने लगा। सरजस्कों ने उसकी भर्त्सना की।
कुछ समय के पश्चात् उसने हारप्रभा को प्रसन्न कर लिया और वह उसमें आसक्त हो गई। उसने कहा—'हम यहां से पलायन कर जायें।' जिनदत्त बोला—'यह उचित नहीं होगा, तुम विश्वस्त रहो। जल्दीबाजी में कोई भी कार्य सिद्ध नहीं होता। तुम पागल होने का बहाना बनाओ ओर जो वैद्य उपचार करने आएं उन्हें बुरा-भला कहो।' उसने वैसे ही किया। वैद्यों ने उपचार करने से इन्कार कर दिया। पिता उदास हो गया। विप्र बना हुआ जिनदत्त बोला—'यह विद्या मुझे परंपरा से प्राप्त है किन्तु इसको करना दुष्कर है।' धन सार्थवाह ने कहा—'मैं व्यवस्था कर दूंगा।' विप्र बोला—'मैं करूंगा पर जो लोग आएं, वे सारे ब्रह्मचारी होने चाहिए।' सेठ बोला—'यहां सरजस्क रहते हैं मैं उन्हें ले आऊंगा।' विप्र बोला—यदि किसी प्रकार से कोई भी अब्रह्मचारी होंगे तो कार्य सिद्ध नहीं होगा। वे परिताप देंगे। धन बोला—'मैं अच्छे सरजस्कों को ले आऊंगा पर कितने लाऊं?' जिनदत्त बोला—'चार।' वह चार शब्दवेधी दिक्पालों को लेकर आया। मंडल करके दिशापालों से कहा—'जब तुम्हें लोमड़ी का शब्द सुनाई दे तब उसे शीघ्र ही बाणों से बींध देना और सरजस्कों से कहा कि 'हुं फट्' इतना कहने पर लोमड़ी की आवाज करना। हारप्रभा लड़की से कहा कि तुम यथावत् ही रहना। वैसा करने पर सरजस्क बींधे गए पर पुत्री ठीक नहीं हुई। धन सार्थवाह उद्दिग्न हो गया। विप्र बोला—'मैंने पहले ही कह दिया था कि यदि अब्रह्मचारी होंगे तो काम सिद्ध नहीं होगा।' धन ने कहा—'अब क्या उपाय है?' विप्र ने ब्रह्मचारियों का स्वरूप बताया तथा गुप्तियों की साधना बताई। धन ने जल शौचवादियों में ऐसे ब्रह्मचारी की खोज की पर कोई ब्रह्मचारी नहीं मिला। वह धन श्रेष्ठी को साधुओं के पास ले गया। साधुओं ने ब्रह्मचर्य की नौ गुप्तियों की बात बताते हुए कहा—'जो इनमें पवित्र मन से निवास करता है, वह ब्रह्मचारी होता है। जो मन का निरोध करता है, वह ब्रह्मचारी होता है।' धन सार्थवाह ने मुनियों को कहा कि मुझे ऐसे ही ब्रह्मचारियों से प्रयोजन है। साधुओं ने कहा कि ऐसे प्रयोजन में सम्मिलित होना हमें नहीं कल्पता। निराश होकर धन विप्र के पास आकर बोला—'ब्रह्मचारी तो मुझे मिल गए किन्तु वह यहां आना नहीं चाहते।' विप्र बोला—'ऐसे ही लोकव्यापार से मुक्त मुनि साधु कहलाते हैं। उनकी पूजा-अर्चना करने से भी कार्य को सिद्धि होती है। उनके नाम लिखने पर क्षुद्र व्यन्तरदेव भी आक्रमण नहीं करते।' धन श्रेष्ठी ने साधुओं की पूजा की। मंडल बनाकर साधुओं के नाम लिखे। दिक्पालों की स्थापना की। सियाल नहीं बोले। पुत्री स्वस्थ हो गई। धन सार्थवाह साधुओं की सेवा करने लगा और श्रावक बन गया। विप्र वेषधारी जिनदत्त को धर्मोपकारी मानकर धन ने उसको अपनी बेटी हारप्रभा तथा मोतियों की माला दे दी। त्वरा न करने के कारण जिनदत्त को वह उपलब्धि हुई।
सिद्धपुत्रों ने दूसरी कथा सुनाते हुए कहा—एक कार्पटिक ने जंगल में एक तोते की आराधना की।' वह मोर बन गया और प्रतिदिन नर्तन करते समय स्वर्ण की एक-एक पिच्छ देने लगा। कार्पटिक का लोभ बढ़ा। उसने सोचा—'मैं कितने दिन प्रतीक्षा करूंगा।' उसने उस मयूर की सारी पिच्छें उखाड़ दीं। वह पुन: मयूर से कौआ हो गया। वह उससे कुछ भी प्राप्त नहीं कर सका अत: त्वरा कार्य-विनाशिका होती है। ये कथाएं सुनकर बसंतपुर का वह धनिकपुत्र संभला और उसने सोचा कि मैं भी अपने घर जाऊं और त्वरा न कर उस देवी को पाने का उपाय सोचूं। वह अपने देश में गया। वहां अनेक दंडरक्षक चांडाल विद्यासिद्ध थे। वह उनके पास गया। उन्होंने पूछा—'हमारे से तुम्हें क्या प्रयोजन है?' उसने कहा—'देवी से मुझे मिलाओ।' चांडालों ने सोचा—'देवी पर कोई झूठा कलंक आने पर राजा उसे छोड़ देगा।' उन्होंने विद्याबल से मारी की विकुर्वणा की। मारी के प्रभाव से लोग मरने लगे। राजा ने चांडालों को आदेश दिया—'मारी पर नियंत्रण करो।' वे बोले—'हम विद्याबल से गवेषणा करेंगे, उसके बाद आपको कुछ निवेदन करेंगे।' चांडालों ने चौथी रात्रि में देवी के वासगृह में मनुष्य के हाथ-पैरों की विकुर्वणा की। देवी का मुंह रक्त से खरंटित कर दिया। वे राजा के पास जाकर बोले—'मारी यहीं से उत्पन्न हुई है, आप अपने घर में खोजें।' राजा ने रानी के वासगृह में जाकर देखा। वहां मनुष्यों के हाथ-पैर और रानी का मुंह रक्त से लिप्त देखकर राजा ने चांडालों से कहा—'जाओ, विधिपूर्वक देवी को मार डालो। मध्यरात्रि में जहां कोई पुरुष न देखता हो, वहां इसका वध कर देना।' यह स्वीकार कर चाण्डाल रात्रि में देवी को अपने घर ले गए। वह धनिक पुत्र भी वहां आ गया। वे पूजा-अर्चा कर देवी को मारने का उपक्रम करने लगे। उस तरुण ने पूछा—'इसने क्या अपराध किया है? इसे मत मारो, मुक्त कर दो।' वे बोले—'यह मारी है, इसलिए इसे मारते हैं।' वह बोला—'क्या मारी ऐसी आकृति वाली होती है? किसी ने तुमको गुमराह किया है, इसे मत मारो।' किन्तु वे चांडाल उसे छोड़ना नहीं चाहते थे। तब वह तरुण बोला—'मैं तुम्हें अपार धन राशि दूंगा, करोड़ों मूल्य के अलंकार दूंगा, तुम इसे छोड़ दो।' उसने अलंकार प्रस्तुत किए। देवी ने सोचा—'यह कौन है, जो मुझ पर अकारण वात्सल्य दिखा रहा है?' देवी का उस तरुण के प्रति प्रतिबंध हो गया। चांडालों ने तरुण से कहा—'यदि इस नारी के प्रति तुम्हारा प्रतिबंध है तो हम इसे एक शर्त पर मुक्त कर सकते हैं। वह शर्त यह है कि तुम यहां न रहो दूसरे देश में चले जाओ।' तरुण ने शर्त स्वीकार कर ली। चांडालों ने देवी को मुक्त कर दिया। वह देवी को लेकर वहां से दूर देश चला गया। रानी ने सोचा—'यह प्राण देने वाला है, वत्सल है।' उसका उसके प्रति दृढ़ अनुराग हो गया। वह उसके आलाप-संलाप से प्रभावित हो गई। देशान्तर में दोनों भोग भोगते हुए सुखपूर्वक रहने लगे।
एक बार वह तरुण नाटक देखने के लिए प्रस्थित हुआ। देवी स्नेह के वशीभूत होकर उसे जाने देना नहीं चाहती थी। उसके स्नेह को देखकर तरुण हंसा। देवी ने हंसने का कारण पूछा तो उसने यथार्थ बात बता दी। देवी विरक्त हो गई। वह विशुद्ध संयम पालने वाली आर्याओं के पास प्रव्रजित हो गई। वह तरुण आर्त्त रौद्र-ध्यान में मरकर नरक में उत्पन्न हुआ।
१४०. घ्राणेन्द्रियं के प्रति आसक्ति
एक कुमार था जो गंधप्रिय था। वह सदा नौकाओं में क्रीडा करता था। उसकी सौतेली मां ने एक दिन मंजूषा में विष रखकर उसे नदी में प्रवाहित कर दिया। कुमार ने नदी में आती हुई मंजूषा को देखा। वह मंजूषा को तट पर ले आया। उसको खोलकर देखने लगा। उस बड़ी मंजूषा के भीतर एक छोटी मंजूषा थी। उसने उत्सुकता से उसे खोला और गंधद्रव्य जानकर सूंघा। सूंघते ही वह मर गया।
१४१. रसनेन्द्रिय के प्रति आसक्ति
राजा सौदास मासप्रिय था। उस दिन अमावस्या थी। शुक का मांस एक विडाल ले गया। कसाइयों से मांस की खोज की लेकिन वह नहीं मिला। तब रसोइए ने एक बालक को मार डाला। राजा के पूछने पर रसोइए ने बताया कि यह बालक का मांस है। उसने प्रतिदिन बच्चों को मारने की आज्ञा दे दी। नागरिकों को भी पता लग गया। उन्होंने राजा को राक्षस मानकर उसे भृत्यों द्वारा मद्य पिलाकर अटवी में छोड़ दिया। चौराहे पर बैठ हाथी को लेकर वह प्रतिदिन मनुष्यों की घात करने लगा। (कोई कहते हैं—'वह एकान्त में मनुष्यों को मारने लगा।')
एक बार उधर से एक सार्थ निकला। वह सो रहा था। उसे सार्थ का पता नहीं चला। सार्थ के साथ प्रवासी मुनि आवश्यक—'प्रतिक्रमण करने के लिए एकान्त में ठहरे। वे सार्थ से बिछुड़ गए। उन्हें देखकर वह राजा उनकी सेवा में पहुंचा। उसने उनको मारना चाहा लेकिन उनके तप के प्रभाव से वह कुछ नहीं कर सका। साधुओं ने धर्म कहा। उसने प्रव्रज्या ग्रहण कर ली।
(कुछ कहते हैं—उसने मुनि से कहा—'ठहरो।' मुनि बोले—'हम तो ठहरे हुए ही हैं, तुम ठहरो।' उसने चिंतन किया कि मुझे आत्मा में ठहरना है। वह आत्मा में स्थिर हो गया।')
१४२. स्पर्शनेन्द्रिय के प्रति आसक्ति (सुकुमालिका)
बसंतपुर नगर के राजा जितशत्रु की महारानी का नाम सुकुमालिका था। उसका स्पर्श अत्यंत सुकुमाल था। उसमें लुब्ध होकर राजा राज्य-चिन्ता से उपरत हो गया। वह प्रतिदिन अपनी पत्नी में ही आसक्त रहता था। कुछ समय बीता। राज्य के कर्मकरों तथा सामन्तों ने परस्पर मंत्रणा कर राजा और रानी—'दोनों को निष्कासित कर उनके पुत्र को राज्यगद्दी पर बिठा दिया। राजा-रानी दोनों अटवी में घूम रहे थे। रानी को प्यास लगी। उसने पानी मांगा। राजा ने उसकी दोनों आंखों पर पट्टी बांधते हुए कहा—'यह अटवी भयंकर है, तुमको भय न लगे इसलिए पट्टी बांधी है।' राजा ने उसे अपनी भुजाओं का रक्त पिलाया। रक्त में मूलिका डाली जिससे कि वह गाढ़ा न हो। जब रानी को भूख लगी तब उसने अपनी जांघ का मांस काटकर उसको खिलाया और व्रण-संरोहिणी जड़ी लगा कर जांघ के घाव को ठीक कर दिया।
वे चलते-चलते एक नगर में पहुंचे। रानी ने अपने आभूषण छुपा लिए। राजा वहां व्यापार करने लगा। उसी गली में एक पंगु बैठता था। एक बार रानी ने राजा से कहा—'मैं घर में अकेली नहीं रह सकती। किसी दूसरे की व्यवस्था करो।' राजा ने सोचा—'यह जो पंगु व्यक्ति है, वह निरपाय है।' राजा ने उसे गृहपालक के रूप में नियुक्त कर दिया। वह रानी को गीत, संगीत तथा कथा आदि से प्रसन्न करने लगा। रानी उसमें आसक्त हो गई। अब वह अपने पति राजा के छिद्र देखने लगी। उसे कोई छिद्र नहीं मिला। एक दिन राजा उद्यान में टहलने के लिए गया। उस समय उसने उसे अत्यधिक मद्य पिलाकर बेहोश कर नदी में फेंक दिया। उनका धन पूरा हो गया। अब वह रानी मादक द्रव्य खाकर उस पंगु को अपने कंधे पर बिठाकर गाती हुई गांव-गांव और घर-घर घूमने लगी। लोगों के पूछने पर वह कहती—'माता-पिता ने मेरे लिए ऐसा ही वर ढूंढा, मैं क्या करूं?' इधर गंगा के प्रवाह में बहते-बहते राजा एक नगर के किनारे पहुंचा। वह एक वृक्ष की छाया में विश्राम कर रहा था। उस वृक्ष की छाया स्थिर हो गई। उस नगर का राजा अपुत्र था। वह मर गया। मंत्रियों ने अश्व को अधिवासित कर घुमाया। अश्व उसी वृक्ष के पास आकर रुका। लोगों ने जय-जयकार किया। राजा नींद से उठा। वह उस नगर का राजा बन गया।
एक बार पंगु को कंधे पर लिए वह रानी भी उसी नगर में आई। राजा को ज्ञात हुआ। राजा ने दोनों को बुलाने भेजा। राजा ने उसक्रा परिचय पूछा। वह बोली—'माता-पिता ने मेरा विवाह ऐसे ही व्यक्ति के साथ किया है, मैं क्या करूं?' राजा बोला—
बाहुभ्यां शोणितं पीतं, ऊरुमांसं च भक्षितम्।
गंगायां वाहितो भर्त्ता, साधु साधु पतिव्रते!।।
अर्थात् जिसकी बाहुओं का खून पीया, जंघा का मांस खाया, उस पति को गंगा में प्रवाहित कर दिया, ऐसी पतिव्रता को साधुवाद है। राजा ने दोनों को अपने जनपद से निर्वासित कर डाला। सुकुमालिका ने स्पर्शनेन्द्रिय के कारण बहुत दु:ख भोगा।
१४३. कर्मसिद्ध
कोंकण देश के सह्य पर्वत के एक दुर्ग से माल उतारा और चढ़ाया जाता था। वहां पांच सौ भारवाहक रहते थे। ये काम करने वाले गुरुभारवाही हैं, यह सोचकर राजा ने यह आज्ञा प्रसारित की—'मैं भी इन गुरुभारवाही पुरुषों को पहले मार्ग दूंगा, रोकूंगा नहीं। ये पुरुष आते-जाते मार्ग से न हटें, अन्य किसी को मार्ग न दें। जो इस आदेश का पालन नहीं करेगा, उसे मैं दंडित करूंगा।' सिन्धु देश का एक पुराना भारवाही था। श्रामण्य से उसका मन उचट गया था। उसने सोचा कि मैं वहां जाऊं, जहां यह जीव कार्यभार से विचलित न हो और सुख में लुब्ध न हो। उन भारवाहियों ने उसे अपने साथ मिला लिया। रात्रि के अवसान में कुक्कुट की ध्वनि से प्रतिबुद्ध होकर वह बोलता—'मुझे सिद्धि दो.....।' फिर वह सह्य गिरि की यात्रा प्रारंभ कर देता। वह सबसे अधिक भार बहन करता था इसलिए वह भारवाहकों में प्रधान बन गया।
एक बार उसे रास्ते में साधु मिले। उसने साधुओं को मार्ग दे दिया। साथी रुष्ट होकर राजा के पास जाकर बोले—'राजा भी भार से कष्ट पाते हुए हमको मार्ग देता है, परंतु इस भारवाही ने खाली हाथ वाले निर्धन श्रमणों को मार्ग दिया है।' राजा ने उसे बुलाकर कहा—'तुमने उचित नहीं किया, मेरी आज्ञा का भंग किया है।' उसने राजा से कहा—'देव! क्या आपने हमको गुरुभारवाही मानकर यह आज्ञा प्रसारित की थी?' राजा बोला—'हां।' वह बोला—'यदि ऐसा है तो मैंने जिनको रास्ता दिया है, वे गुरुतर भारवाही हैं।' राजा ने पूछा—'कैसे?' वह बोला—'देव! वे बिना विश्राम किए यावज्जीवन अठारह हजार शीलांग और पांच महाव्रत का भार बहन करते हैं, जिसे उठाने में मैं भी समर्थ नहीं हुआ। साधु मेरु पर्वत से भी अधिक भार बहन करने वाले हैं।' धर्मकथा करते हुए उसने कहा—'राजन्! जो भारवाही हैं, वे विश्राम करते हुए भार बहन करते हैं। शील का भार बिना विश्राम किए यावज्जीवन के लिए होता है। यह सुनकर राजा प्रतिबुद्ध हुआ। संवेग को प्राप्त होकर वह प्रव्रज्या के लिए उद्यत हो गया।
१४४. शिल्पसिद्ध—' कोक्कास वर्धकि )
सोपारक नगर में रथकार की दासी और ब्राह्मण पुरुष से एक पुत्र उत्पन्न हुआ। मुझें कोई पहचान न ले इसलिए वह मूक रहने लगा। रथकार के कई पुत्र थे। वह उन्हें शिक्षित करना चाहता था परंतु वे मंदबुद्धि होने के कारण पिता की शिक्षा को ग्रहण नहीं कर सके। उस दासपुत्र ने सारी शिक्षा ग्रहण कर ली। रथकार की मृत्यु हो गई। राजा ने उसके घर का सम्पूर्ण धन दासपुत्र को दे दिया। वह उस घर का स्वामी बन गया।
उज्जयिनी का राजा श्रावक था। उसके पास चार अन्य श्रावक थे। एक रसोइया था, वह भोजन पकाता। उसका भोजन जिसको रुचिकर लगता, वह तत्काल पच जाता। अन्यथा दो, तीन, चार, पांच प्रहरों में भी नहीं पचता। दूसरा व्यक्ति तैलमर्दक था, वह शरीर का तैलमर्दन करते समय एक-एक कुडव तैल शरीर में रमा देता था और पश्चात् वह तैल उतनी ही मात्रा में पुन: बाहर निकाल देता था। तीसरा व्यक्ति शय्या बिछाने वाला था, उसकी शय्या पर सोने वाला यदि चाहता कि वह एक प्रहर के बाद जाग जाए तो वैसा ही होता था। अन्यथा दूसरे, तीसरे और चौथे प्रहर में भी उसकी नींद नहीं टूटती थी वह सोता ही रह जाता था। चौथे व्यक्ति ने ऐसा श्रीगृह बनाया, उसमें प्रवेश करने वाले को कुछ भी दिखाई नहीं देता था। इन चारों पुरुषों के ये चार विशिष्ट गुण थे। उज्जयिनी का वह राजा अपुत्र था। उसे कामभोगों से विरक्ति हो गई। वह प्रव्रज्या ग्रहण करने का उपाय सोच रहा था। एक बार पाटलिपुत्र के राजा जितशत्रु ने उज्जयिनी पर आक्रमण कर दिया। इसी समय उज्जयिनी के राजा के पूर्वकर्मों की परिणति के कारण सघन शूल रोग उत्पन्न हुआ। उसने अनशन कर मृत्यु का वरण कर लिया। मरकर वह देवरूप में उत्पन्न हुआ। नागरिक एकत्रित हुए और राज्य की बागडोर जितशत्रु राजा को सौंप दी। उसने विशिष्ट गुण वाले चारों व्यक्तियों को बुलाकर पूछा—'तुम क्या करते हो?' भांडागारिक राजा को श्रीगृह में ले गया। राजा को भंडार में कुछ भी दिखाई नहीं दिया तब उसने दूसरे द्वार से खजाना दिखाया। शंय्यापालक ने ऐसी शय्या की रचना की, जिससे राजा मुहूर्त्त-मुहूर्त्त में जागने लगा। रसोइये ने ऐसा भोजन बनाया कि वह बार-बार भोजन करना चाहता। तैलमर्दक ने राजा के शरीर का तैलमर्दन किया पर एक पैर से तैल नहीं निकाला। उसने कहा—'जो मेरे समान हो, वह इस पैर का तैल निकाले।' वे चारों विशिष्ट पुरुष विरक्त होकर प्रव्रजित हो गए। राजा एक पैर में समाए तेल के कारण दग्ध होकर कृष्णवर्ण का हो गया। रंग परिवर्तन होने के कारण जितशत्रु का नाम काकवर्ण हो गया।
एक बार सोपारक नगर में दुर्भिक्ष पड़ा। रथकार का पुत्र कोक्कास उज्जयिनी चला गया। उसने सोचा—'राजा को मेरे आगमन की बात कैसे बताऊं?' उसे एक उपाय सूझा। उसने यंत्रमय कबूतरों का निर्माण किया। वे कबूतर प्रतिदिन राजा के अन्न भंडार से गंधशालि का अपहरण करने लगे। भाण्डागारिक ने राजा से शिकायत की। खोजी व्यक्तियों ने यथार्थ जान लिया। वे कोक्कास को राजा के पास ले आए। राजा ने उसकी योग्यता को जानकर उसे अपने ही राज्य में आजीविका दे दी। कुछ समय पश्चात् कोक्कास ने कीलिका प्रयोग से उड़ने वाले आकाशगामी गरुड़ का निर्माण किया। राजा अपनी पटरानी के साथ कोक्कास को साथ लेकर गरुड पर बैठकर आकाशमार्ग में विहरण करने लगा। जो अधीनस्थ व्यक्ति नत नहीं होता, उसे राजा कहता—'मैं आकाशमार्ग से आकर मार दूंगा।' अब वे सब राजा उसकी आज्ञा मानने लगे। एक दिन पटरानी से अन्य रानियों ने पूछकर यह जान लिया कि अमुक कीलिका के प्रयोग से गरुड़ स्थान पर लौट आता है। एक दिन उन रानियों में से एक ने ईर्ष्यावश निवर्तन करने वाली कीलिका को चुरा लिया। राजा गरुड़ पर प्रस्थित हुआ। निवर्तनकाल में कोक्कास को ज्ञात हुआ कि निवर्तन-कीलिका नहीं है। गरुड़ निवर्तित नहीं हो रहा था। वह बहुत तेज चलने लगा। कलिंग देश में उसके पंख टूट गए। वह नीचे गिर पड़ा। उसका संधान करने के लिए उचित औजार लेने कोक्कास नगर में गया। वहां एक रथकार के घर पहुंचा। उस समय रथकार रथ के निर्माण में व्यस्त था। वह एक चक्र बना चुका था। दूसरे चक्र का निर्माण हो रहा था इतने में ही कोक्कास ने उपकरणों की मांग की। रथकार बोला—'मैं घर से उपकरण लेकर आता हूं क्योंकि तुम्हें जो उपकरण चाहिए, वे रांजकुल में नहीं मिलते हैं।' वह घर की ओर चला गया। पीछे से कोक्कास ने उस चक्र का संधान कर दिया। ऊंचा उठाने पर वह चलता और आस्फोटित करने पर वह रुक जाता और पीछे चलता। स्थित होने पर भी वह नीचे नहीं गिरता था। रथकार उपकरण लेकर आया। उसने देखा कि चक्र का निर्माण हो गया है। उसने तत्काल जाकर राजा से कहा—'कोक्कास यहां आया है, जिसकी शक्ति से काकवर्ण राजा ने सभी राजाओं को वश में कर लिया है।' राजा ने कोक्कास का निग्रह कर लिया। पीटे जाने पर उसने राजा और रानी की बात कही। राजा ने सबको बंदी बना डाला और उनका भोजन बंद कर दिया। नागरिकों ने अपयश से भयभीत होकर 'काकपिंड' का प्रवर्तन किया। राजा ने कोक्कास से कहा—'मेरे सौ पुत्रों के लिए साप्तभूमिक प्रासाद का निर्माण करो। मेरा कक्ष मध्य में रखना। मैं सभी पुत्रों को राजकुल में ले आऊंगा।' कोक्कास ने वैसा ही प्रासाद बना दिया और गुप्तरूप से काकवर्ण राजा के पुत्रों को यंत्रमय पक्षी के साथ संदेश भेजा कि यहां ससैन्य आओ, जिससे कि मैं इस विरोधी राजा को पुत्रों सहित मार डालूं। तब तुम मुझे और माता-पिता को मुक्त करा सकोगे। तुम अमुक दिन यहां उपस्थित हो जाना। कलिंग देश का राजा अपने पुत्रों के साथ उस नवनिर्मित प्रासाद में आ गया। कोक्कास ने एक कीलिका लगाई और वह पूरा प्रासाद संपुटित हो गया। राजा अपने पुत्रों के साथ मर गया। काकवर्ण के पुत्रों ने नगर पर आधिपत्य कर लिया। पुत्रों ने माता-पिता और कोक्कास को मुक्त करवा लिया। कुछ मानते हैं कि कोक्कास ने निर्विण्ण होकर आत्महत्या कर ली।
१४५. विद्यासिद्ध ( खंपुट आचार्य )
आचार्य खपुट विद्यासिद्ध आचार्य थे। उनके साथ एक बाल मुनि था, जो उनका भानजा था। उसने आचार्य से सुन-सुनकर अनेक विद्याएं ग्रहण कर लीं। एक बार विद्याचक्रवर्ती खपुट आचार्य अपने भानजे मुनि को भृगुकच्छ में साधुओं के पास छोड़कर स्वयं गुडशस्त्र नगर में गए। वहां एक परिव्राजक रहता था। वह मुनियों से वाद में पराजित हो चुका था इसलिए उसके मन में अधृति हो गई थी। वह मरकर उसी गुडशस्त्र नगर में 'बुहत्कर' नामक व्यन्तर देव बना। वह वहां सभी साधुओं को पीड़ित करने लगा इसलिए आचार्य खपुट वहां गए थे। आचार्य ने वहां जाकर उस व्यन्तर देव की प्रतिमा के कानों में दो जूते लटका दिए। पुजारी ने जब यह देखा तो लोगों को एकत्रित कर वहां आया। जैसे-जैसे जूते निकाले जाते वैसे-वैसे पुन: लग जाते। राजा तक बात पहुंची। राजा ने आकर देखा। राजपुरुषों ने आचार्य पर लकड़ियों से प्रहार किया परन्तु वे प्रहार अन्त:पुर की रानियों पर लगने लगे। राजा ने घबराकर आचार्य को मुक्त कर दिया। तत्पश्चात् बृहत्कर तथा अन्य व्यन्तर लोगों को पीड़ित करते हुए घूमने लगे। लोगों ने उनके पैरों में गिरकर कहा—'हमें छोड़ दो।' उस मंदिर में पाषाणमयी दो बृहदाकार द्रोणियां थीं। वे दोनों द्रोणियां व्यन्तर के साथ खट्कार करती हुई पीछे घूमने लगीं। लोगों ने आचार्य से कहा। आचार्य ने व्यन्तर देवों को मुक्त कर दिया। वे दोनों द्रोणियां भी पहले ही लाकर छोड़ दी। सोचा कि भविष्य में मेरे सदृश कोई होगा तो वह ले आएगा।
आचार्य खपुट का भानजा भृगुकच्छ में आहार की गृद्धि के वशीभूत होकर बौद्ध भिक्षु बन गया। वह अपने विद्याबल से उपासकों के घरों से खाद्य से भरे पात्र आकाशमार्ग से मंगाने लगा। इस चमत्कार से अनेक लोग उसके उपासक बन गए। संघ ने एकत्रित होकर आचार्य खपुट के पास विज्ञ भेजी। आचार्य आए तब लोगों ने कहा—'ऐसी अक्रिया चल रही है। वस्त्र से आच्छादित पात्र आकाशमार्ग से आने लगे हैं।' आचार्य ने यह बात जानी। उन्होंने अपने विद्याबल से आकाशमार्ग में पत्थर स्थापित कर दिए। आने वाले सारे पात्र पत्थर से फूटने लगे। वह क्षुल्लक भिक्षु डरकर भाग गया। आचार्य बौद्धों के विहार में गए। भिक्षु बोले—'आओ और बुद्ध के पैरों में गिरो।' आचार्य बुद्ध-प्रतिमा को संबोधित कर बोले—'आओ वत्स! शुद्धोदनपुत्र। मुझे वंदना करो।' प्रतिमा से बुद्ध निकले और आचार्य के चरणों में गिर गए। वहां द्वार पर एक स्तूप था। आचार्य ने उसे भी संबोधित कर कहा—'आओ, पैरों में गिरो।' स्तूप वहां से उठा और आचार्य के पैरों में गिरा। आचार्य ने कहा—'उठो।' स्तूप वहां से उठा और अर्धावनत होकर स्थित हो गया। आचार्य ने कहा—'ऐसे ही स्थित रहो।' वह एक ओर झुका हुआ वैसे ही स्थित हो गया। उसका प्रचलित नाम निर्ग्रन्थनामित हो गया।
१४६. मंत्रसिद्ध
एक राजा विषयलोलुप था। एक बार वह सुंदर साध्वी पर आसक्त होकर उसे अपने भवन में ले आया। पूरा संघ एकत्रित हुआ। उसमें एक व्यक्ति मंत्रसिद्ध था। उसने राजभवन के सभी खंभों को मंत्रित कर डाला। वे आकाश में अधर रहकर खट्कार करने लगे। पूरे प्रासाद के स्तंभ भी हिल उठे। राजा भयभीत हो गया। उसने साध्वी को मुक्त कर संघ से क्षमायाचना की।
१४७. योगसिद्ध ( आर्य समित )
आभीर देश में कृष्णा नदी और वेन्ना नदी के मध्य एक गांव में तापसों का आश्रम था। वहां अनेक तापस रहते थे। उनमें एक तापस अपनी पादुकाओं पर लेप कर पानी पर आता-जाता और घूमता था। लोगों को बहुत आश्चर्य होता था। वहां श्रावकों की अवहेलना होने लगी। एक बार वज्रस्वामी के मामा आर्य समित विहरण करते हुए वहां आए। श्रावक आर्य समित के पास गए और इस समस्या से उनको अवगत कराया। आर्य कुछ करना नहीं चाहते थे। उन्होंने श्रावकों से कहा—'आर्यों! कुछ प्रतीक्षा क्यों नहीं करते? वह तापस अपनी पादुकाओं को लेप लगाता है।' इतना सुनते ही श्रावक समझ गए। एक दिन श्रावकों ने तापस के पास जाकर प्रार्थना की—'भगवन्! हम भी आपको दान देना चाहते हैं। आप हमारे घर पर पधारें।' तापस उनकी प्रार्थना स्वीकार कर उनके घर गया। श्रावक बोले—'भगवन्! आप अपने पैर धो लें। हम भी दान देकर अनुगृहीत होंगे।' तापस पैर धोना नहीं चाहता था परन्तु श्रावकों ने उसके पैर और पादुकाएं पानी से धोकर साफ कर दीं। दान लेकर तापस वहां से लौटा। नदी के पानी में पैर रखते ही वह डूब गया। लोग चिल्लाए। लोगों ने तापस का दंभ देख लिया।
आर्य समित उस गांव से चले। उन्होंने द्रव्ययोग को नदी में फेंककर नदी से कहा—'हे वेन्ने नदी! मुझे तट दो। मैं उस तट पर जाना चाहता हूं।' इतने में ही दोनों तट एक हो गए। आर्य समित ने सहजता से नदी पार कर ली। तापसों ने देखा तो वे प्रभावित होकर आर्य समित के पास प्रव्रजित हो गए। वे ब्रह्मद्वीप के निवासी थे, इसलिए वे ब्रह्मद्वीपिक कहलाए।
९४८. अर्थसिद्ध ( मम्मण सेठ )
राजगृह नगर में मम्मण सेठ रहता था। उसने अत्यंत परिश्रम से प्रचुर अर्थ का अर्जन किया। वह न पूरा भोजन करता और न ही पीता था। उसने अपने प्रासाद की छत पर स्वर्णमय एक बैल का निर्माण करवाया। उसमें दिव्य रत्न जटित किए। उसके सींग वज्रमय थे। उसमें करोड़ों का व्यय हो गया। उसने दूसरे बैल का निर्माण प्रारम्भ किया। वह भी पूर्णता की ओर ही था। एक बार उस बैल की निर्मिति के निमित्त वर्षारात्रि में मम्मण लंगोटी लगाए नदी से काठ के गुर निकाल रहा था। राजा श्रेणिक और रानी चेलना दोनों गवाक्ष में बैठे थे। रानी की दृष्टि उस पर पड़ी। वह दयाभिभूत हो गई। उसने सात्विक आक्रोश करते हुए राजा से कहा—
'सच्चं सुव्वइ एयं, मेहनइसमा हवंति रायाणो।
भरियाइं भरेंति दढं, रित्तं जत्तेण वज्जेइ।।'
यह सही सुना जाता है कि राजा लोग वर्षा की नदियों के समान होते हैं। वे भरे हुए को और अधिक भरते हैं, जो रिक्त हैं उन्हें प्रयत्नपूर्वक रिक्त ही रखते हैं। राजा ने पूछा—'कैसे?' रानी बोली—'देखिए, वह गरीब कितना कष्ट पा रहा है।' रानी ने नदी की ओर अंगुलि कर राजा को दिखाया। राजा ने मम्मण को अपने पास बुला भेजा। राजा ने पूछा—'इतना कष्ट क्यों पा रहे हो?' उसने कहा—'मेरे पास एक बैल है, मैं उसकी जोड़ी का दूसरा बैल चाहता हूं। वह प्राप्त नहीं हो रहा है।' राजा बोला—एक नहीं, सौ बैल ले लो। वह बोला—'इन बैलों से मेरा क्या प्रयोजन? पहले जैसा ही दूसरा चाहिए।' राजा बोला—'तेरा वह बैल कैसा है?' मम्मण राजा को अपने घर ले गया और स्वर्णनिर्मित बैल दिखाया। राजा बोला—'यदि मैं अपना संपूर्ण खजाना भी दे दूं, फिर भी इस बैल की संपूर्ति नहीं हो सकती। आश्चर्य है इतना वैभव होने पर भी तुम्हारी तृष्णा नहीं भरी।' मम्मण बोला—'जब तक मैं इसको पूर्ति नहीं कर लूंगा, तब तक मुझे चैन नहीं होगा।'
मम्मण के अनेक व्यापार चालू थे। अनेक दिशाओं में व्यापार के लिए अनेक पदार्थों के शकट भेजे। कृषि प्रारंभ की। हाथी, घोड़े और नपुंसकों को लेने-देने का कार्य प्रारंभ किया। राजा ने पूछा—'तुम्हारे इतना व्यापार है तो फिर नदी में खड़े रहकर कष्ट क्यों पाते हो?' मम्मण बोला—'मेरा शरीर कष्ट सहने में सक्षम है। वर्षाकाल के कारण अन्य व्यापार नहीं चलते। वर्षाकाल में काठ बहुमूल्य हो जाते हैं इसलिए नदी से मैं उन गट्टरों को निकाल रहा हूं।' राजा बोला—'तुम्हारे मनोरथ पूरे हों। तुम ही उन्हें पूरा कर सकते हो, दूसरा कोई अन्य उन्हें पूरा करने में समर्थ नहीं हो सकता। मैं भी समर्थ नहीं हूं—'इतना कहकर राजा चला गया। मम्मण श्रम करता रहा। समय पर मनोरथ पूरा हुआ। उसने दूसरे बैल का निर्माण कर लिया।
१४९. यात्रासिद्ध ( तुंडिक )
एक गांव में तुंडिक नामक वणिक् रहता था। वह सामुद्रिक व्यापार करता था। हजारों बार उसका प्रवहण भग्न हो गया, फिर भी वह विरत नहीं हुआ। वह कहता—'जो जल में नष्ट हुआ है, वह पुन: जल में ही प्राप्त होगा।' उसकी अवस्था देखकर परिवार के लोग उसे कुछ सहयोग देना चाहते थे परंतु वह इन्कार कर देता। वह बार-बार सामान लेकर व्यापारार्थ समुद्रयात्रा के लिए निकल पड्ता। उसके इस दृढ़ निश्चय पर समुद्र का देवता प्रसन्न हुआ और उसे प्रचुर धन देकर बोला—'तुम्हारे लिए मैं और क्या कर सकता हूं?' वह तुंडिक वणिक् बोला—'जो मेरा नाम लेकर समुद्र का अवगाहन करे, वह अविध्नरूप से घर लौट आए।' देवता ने स्वीकार कर लिया। तुंडिक यात्रासिद्ध वणिक् था। जो बारह बार समुद्र का अवगाहन कर कार्य पूरा करके वापिस आ जाता है, वह यात्रासिद्ध है।
औत्त्पत्तिकी बुद्धि के दृष्टान्त
१५०. भरतपुत्र
उज्जयिनी नगरी के पास एक नटों का गांव था। वहां भरत नामक नट रहता था। उसकी भार्या का देहान्त हो गया। उसका पुत्र रोहक अभी छोटा था। नर दूसरी पत्नी ले आया। वह सौतेली मां उस लड़के के साथ उचित बर्ताव नहीं करती थी। उस लड़के ने सोचा कि सौतेली मां मेरे प्रति अच्छा व्यवहार नहीं करती। मैं उसके साथ ऐसा बर्ताव करूंगा कि वह मेरे पैरों में गिरेगी। रात में रोहक पिता के साथ सो रहा था। सहसा आधी रात में उसने चिल्लाकर कहा—'पिताजी! देखिए वह पुरुष भागा जा रहा है।' नट ने सोचा—'मेरी पत्नी भ्रष्ट एवं कुलटा हो गई है।' उसके प्रति नट का रागभाव शिथिल हो गया। पत्नी को यह बुरा लगा। उसने प्रेमपूर्वक अपने पुत्र से कहा—'तुम ऐसा मत करो।' वह बोला—'तुम मेरे प्रति उचित व्यवहार नहीं करती।' वह बोली—'अब मैं उचित बर्ताव करूंगी।' वायदे के अनुसार वह पुत्र के प्रति स्नेहमय बर्ताव करने लगी।
एक दिन रात को पुत्र चिल्लाया-'यह पापी पुरुष जा रहा है।' पिता ने पूछा—'वह पुरुष कहां है?' उसने चांदनी में अपनी छाया दिखाई और कहा उस दिन भी यही पुरुष था। पिता अपने कृत्य पर लज्जित हुआ। उसके बाद वह अपनी पत्नी के प्रति अत्यधिक अनुरक्त रहने लगा।
मेरे अप्रिय व्यवहार से रुष्ट होकर सौतेली मां मुझे विष न दे दे, यह सोच भयभीत होकर वह अपने पिता के साथ भोजन करने लगा। एक बार वह पिता के साथ उज्जयिनी नगरी में गया। उसने नगरी की सुंदरता देखी। रोहक के मन पर उसका गहरा प्रभाव पड़ा। दोनों पिता-पुत्र नगरी से बाहर आ गए। 'अमुक वस्तु भूल आया हूं' यह सोचकर पिता पुन: नगरी में गया। रोहक सिप्रा नदी के तट पर बालू में उज्जयिनी का रेखांकन करने लगा। उसने चत्वर राजप्रासाद सहित उज्जयिनी नगरी का हुबहू रेखांकन कर डाला। इतने में ही घोड़े पर सवार राजा उधर से गुजरा। उसने राजा को रोकते हुए कहा—'ए घुड़सवार! तुम राजप्रासाद के मध्य से मत जाओ, यहां बिना आज्ञा प्रवेश निषिद्ध है।' राजा ने कुतूहलवश पूछा—'क्यों?' उसने चत्वर सहित उज्जयिनी नगरी का रेखांकन दिखाया। राजा बहुत विस्मित हुआ और पूछा—'तुम कहां रहते हो?' वह बोला—'गांव में।' इतने में ही उसका पिता भी आ गया। राजा उसकी बुद्धि को देखकर आश्चर्यचकित हो गया क्योंकि रोहक पहली बार ही उज्जयिनी आया था।
राजा के पांच सौ मंत्रियों की परिषद् में एक मंत्री की कमी थी। वह एक मंत्री की गवेषणा करना चाहता था। रोहक को परीक्षा के निमित्त राजा ने नट-गांव के प्रधानों को कहलवाया—'तुम्हारे गांव के बाहर एक बड़ी शिला है। उसको हटाए बिना ऐसा मंडप बनाओ, जिसमें राजा बैठ सके। गांव वालों ने जब राजा का यह आदेश सुना तो बहुत चिंतित हो गए।
समस्या को सुलझाने के लिए सभा बुलाई गयी। भरत नट भी उसमें सम्मिलित हुआ। सायंकाल होने पर बालक रोहक भूख से पीड़ित हो रहा था अत: वह अपने पिता को बुलाने वहां गया। सबको चिंतातुर देखकर उसने पूछा—'आप सब लोग चिंतित क्यों हैं? पिता ने शिला-मंडप की बात कही।' रोहक बोला—'इसमें चिंता की क्या बात है? आप सब विश्वस्त रहें।' आप लोग शिला के नीचे से जमीन खोदकर चारों ओर खंभों का आधार देकर फिर धीर-धीरे जमीन खोदें। इसके बाद दीवार बनाकर लिपाई आदि कार्य करवा दें, मंडप तैयार हो जाएगा। गांव वालों ने वैसा ही किया। मंडप तैयार होने पर राजा को सूचित किया गया। राजा ने पूछा—'यह किसकी सूझबूझ से हुआ?' उन्होंने रोहक का नाम बताया। राजा अत्यंत प्रसन्न हुआ।
१५१. मेंढा
रोहक की बुद्धि-परीक्षा हेतु राजा ने गांव में एक मेंढा भेजा और कहा—'पन्द्रह दिन बाद इसे लौटाना है पर इतने समय में न यह दुर्बल हो और न बलिष्ठ अर्थात् इसका वजन न घटना चाहिए और न ही बढ़ना चाहिए।' ग्रामवासी चिंतातुर हो गए। उन्होंने रोहक को बुलाकर सारी बात बताई। रोहक ने कहा—'इस मेंढे को खाने के लिए जौ आदि चारा यथासमय दो पर इसके पास भेड़िए का पिंजरा रख दो।' यह जब भेड़िए को देखेगा तो इसका वजन नहीं बढ़ेगा तथा चारा खाने से वजन क्षीण नहीं होगा। पन्द्रह दिन बाद राजा ने वजन किया लेकिन उसमें कोई अंतर नहीं आया। राजा रोहक की सूझबूझ से अत्यंत प्रसन्न हुआ।
१५२. कुक्कुट
राजा ने एक मुर्गे को गांव वालों के पास भेजकर कहा—'इसे किसी दूसरे मुर्गे के बिना ही लड़ाकू बनाना है।' रोहक ने एक दर्पण मंगाकर मुर्गे को उसके सामने रखा। उस प्रतिबिम्ब को अपना शत्रु मुर्गा समझकर वह प्रतिदिन उससे लड़ने लगा और कुछ ही दिनों में वह लड़ाकू हो गया। राजा रोहक की सूझबूझ से अत्यंत प्रभावित हुआ।
९५३. तिल
एक बार राजा ने तिलों की कुछ गाड़ियां नेटों के गांव में भेजी और तिलों की संख्या बताने का आदेश दिया। गावं वालों के समक्ष समस्या हो गई कि इतने तिलों की गिनती कैसे की जाए? उन्होंने रोहक को बुलाया। उससे समाधान प्राप्त कर वे राजा के पास गए और बोले—'स्वामिन्! हम ग्रामीण लोग गणित नहीं जानते फिर भी सामान्य ज्ञान के आधार पर इतना बता सकते हैं कि आकाश में जितने तारे हैं, उतने ही तिल हैं।' आप किसी गणितज्ञ राजपुरुष द्वारा तिलों और तारों की संख्या करवा लीजिए। यह सुनकर राजा बहुत प्रसन्न हुआ ।
१५४. बालुका
राजा ने ग्रामवासियों को कहा कि तुम्हारे गांव में बालू सुलभ है अत: उसकी रस्सी बनाकर भेजो। रोहक के कथनानुसार गांव वालों ने राजा से कहा—'नट होने के कारण हम तो केवल नाचना जानते हैं, रस्सी बनाना नहीं जानते।' आप नमूने के तौर पर एक बालुका की रस्सी भेजें, जिसे देखकर हम दूसरी रस्सियां बनाकर भेज देंगे। रोहक की औत्पत्तिकी बुद्धि से समाधान प्राप्त कर राजा ने उन्हें आदेश से मुक्त कर दिया।
१५५. हस्ती
राजा ने एक बूढ़े, रोगग्रस्त और मरणासन्न हाथी को गांव में भेजकर लोगों से कहां-'हाथी की स्थिति से मुझे प्रतिदिन अवगत कराना पर उसकी मृत्यु की सूचना कभी मत देना। जो ऐसा नहीं करेगा, उसका निग्रह किया जाएगा।' सारे लोग चिन्ताग्रस्त हो गए। रोहक ने कहा—'चिंता की आवश्यकता नहीं है। समय पर जो होगा, वह देखा जाएगा।' एक दिन हाथी मर गया। लोगों ने भरत के पुत्र रोहक के अनुसार राजा के पास जाकर कहा—'राजन्! आज वह हाथी न उठता है, न बैठता है, न कुछ खाता है, न नीहार करता है, न उच्छास लेता है, न नि:श्वास लेता है और तो क्या वह कोई चेष्टा भी नहीं करता।' राजा ने पूछा—'तो क्या हाथी मर गया?' लोग बोले—'राजन्! ऐसा तो आप ही कह सकते हैं।'
१५६. कूप
राजा ने अपने व्यक्तियों को भेजकर गांव वालों को आदेश दिया—'तुम्हारे गांव में पीने योग्य मीठे जल का कूप है अत: उसे यहां ले आओ।' ग्रामवासी रोहक के पास एकत्रित हुए। उसने लोगों को एक युक्ति बता दी। ग्रामवासी राजा के पास जाकर बोले—'स्वामिन्! हमारे गांव का कूप जंगली है अत: किसी सजातीय सहायक के बिना एकाकी आने में असमर्थ है।' आप नगर के किसी कुंए को भेजने की कृपा करें, उसके साथ वह नगर में आ जाएगा। राजा ने पूछा—'यह उत्तर किसने दिया है?' ग्रामवासियों ने कहा—'भरत के पुत्र रोहक ने।'
१५७. वनषण्ड
राजा ने ग्रामवासियों को आदेश दिया कि ग्राम की पूर्वदिशा में जो वनषण्ड है, उसे पश्चिम दिशा में कर दो। ग्रामवासी चिंतातुर होकर रोहक के पास गए। रोहक ने समाधान दिया कि ग्रामवासी उस वनषण्ड की पूर्व दिशा में जाकर अपने मकान बना लें। रोहक के कथनानुसार ग्रामवासी वनषण्ड के पूर्वभाग में चले गए। राजपुरुषों ने राजा को निवेदन किया कि वनषण्ड पश्चिम दिशा में हो गया है। राजा ने आश्चर्य से पूछा—'कैसे?' राजपुरुषो ने कहा—'ग्रामवासी वनषण्ड की पूर्वदिशा में बस गए हैं।'
१५८. खीर
एक बार राजा ने आदेश दिया कि अग्नि जलाए बिना खीर पकाओ। ग्रामवासियों ने रोहक से समाधान प्रात किया। उसने कहा—'चावलों को पानी में भिगोओ। फिर सूर्य की किरणों में तपे उपले एवं पलाल की उष्मा से खीर पकाओ। इस विधि से खीर तैयार हो गयी।' यह देखकर राजा अत्यंत प्रसन्न हुआ।
१५९. बकरी
सारी परीक्षाएं करने के पश्चात् राजा ने गांववासियों को कहलवाया—'तुम उस बुद्धिमान् बालक को साथ लेकर यहां आओ पर ध्यान रहे वह न शुक्लपक्ष में आए न कृष्णपक्ष में। न रात में आए न दिन में। न धूप में आए न छाया में। न छत्र धारण कर आए और न बिना छत्र आए। न आकाशमार्ग से आए और न पैदल चलकर आए। न पंथ से आए और न उत्पथ से आए। न स्नान करके आए और न बिना स्नान के आए।'
गांव वालों ने रोहक को सारी बात कही। राजा की आज्ञा पाकर रोहक ने गले तक स्नान किया। वह अमावस्या और प्रतिपदा के संधि समय अर्थात् संध्या के समय में चालनी को सिर पर रखकर मेंढे पर बैठकर गाड़ी के पहिए के मध्यवर्ती मार्ग से गया। राजा, गुरु और देवता के दर्शन खाली हाथ नहीं करने चाहिए, इस जनश्रुति के आधार पर उसने एक मिट्टी का ढेला राजा को भेंट किया। राजा ने पूछा—'यह क्या है?' रोहक बोला—'आप पृथ्वीपति हैं अत: उपहार स्वरूप यह पृथ्वी लाया हूं।' उसके वचनों और बुद्धि-चातुर्य को देखकर राजा अत्यंत प्रसन्न हुआ। राजा ने ग्रामवासियों को वापिस भेज दिया और रोहक को अपने पास रख लिया।
१६०. मींगणियां
राजा ने रोहक को अपने पास सुलाया। एक प्रहर रात बीतने पर राजा ने पूछा—'रोहक! तुम सो रहे हो अथवा जाग रहे हो?'
रोहक बोला—'स्वामिन्! मैं जाग रहा हूं।'
राजा—'क्या सोच रहे हो?'
रोहक—'राजन्! मैं सोच रहा हूं कि बकरी के पेट में मांगणियां गोल कैसे हो जाती हैं?'
राजा ने कहा—'तुमने अच्छा विमर्श किया है। इसका उत्तर तुमने क्या खोजा?'
राजा के पूछने पर रोहक बोला—'बकरी के पेट में संवर्तक नामक वायु होती है, उसके कारण मींगणी गोल हो जाती है।'
१६१. पत्र
दूसरे प्रहर में राजा जागा और पूछा—'रोहक! तुम जाग रहे हो अथवा सो रहे हो?'
रोहक—'जाग रहा हूं।'
राजा—'क्या सोच रहे हो?'
रोहक—'सोच रहा हूं कि पीपल के पत्ते का दंड बड़ा होता है अथवा उसकी शिखा-अग्रभाग।'
राजा ने पूछा—'इसमें तुम्हारा क्या निर्णय है?'
रोहक—'जब तक अग्रभाग नहीं सूखता, तब तक दोनों समान होते हैं।'
१६२. गिलहरी
तीसरे प्रहर में राजा जागा और पुन: पूछा—'रोहक! तुम जाग रहे हो अथवा सो रहे हो?'
रोहक—'स्वामिन्! जाग रहा हूं।'
राजा—'क्या सोच रहे हो?'
रोहक—'मैं सोच रहा हूं कि गिलहरी के शरीर पर सफेद और काली धारियां कितनी-कितनी होती हैं? तथा उसका शरीर लम्बा होता है अथवा पूंछ।'
राजा के पूछने पर रोहक बोला—'गिलहरी के शरीर पर जितनी सफेद धारियां होती हैं, उतनी ही काली धारियां होती हैं। उसका शरीर और पूंछ दोनों बराबर होते हैं।'
१६३. पंच पिता
चौथे प्रहर में राजा ने पूछा—'रोहक! तुम सो रहे हो अथवा जाग रहे हो?' रोहक चुप रहा तब राजा ने उसे कम्बिका-बांस की खपच्चो से छुआ। वह जागा तब राजा ने पुन: पूछा—'तुम सो रहे हो अथवा जाग रहे हो?'
रोहक-'जाग रहा हूं।'
राजा-'क्या सोच रहे हो?'
रोहक-'सोच रहा हूं कि आपके कितने पिता हैं?'
रोहक की बात सुनकर राजा विस्मित हुआ और पूछा कि तुमने क्या सोचा है?
रोहक-'आप पांच पिता के पुत्र हैं।'
राजा ने पुन: पूछा—'पांच पिता कौन-कौन से हैं?'
रोहक बोला—'राजा, वैश्रमण, चांडाल, रजक और बिच्छु—ये पांच आपके पिता हैं।'
शरीर-चिंता से निवृत्त होकर राजा अपनी मां के पास पहुंचा और आग्रहपूर्वक पूछा—'सच बताना मेरे कितने पिता हैं? 'मां ने कहा—'तुम अपने पिता से उत्पन्न हुए हो।' राजा ने पुन: जोर देकर आग्रहपूर्वक पूछा तब रानी ने कहा—'वैसे तो तुम्हारा पिता राजा ही है किन्तु जिस दिन मैं ऋतुस्नाता होकर वैश्रमण देव की पूजा करने गयी तब उसे अलंकृत और विभूषित देखकर मेरे मन में उसके प्रति अनुरक्त पैदा हो गयी। पूजा करके घर लौटते समय रास्ते में एक चाण्डाल युवक को देखा। उसके प्रति भी अनुराग पैदा हो गया। फिर धोबी मिला उसके प्रति भी अनुराग हो गया। घर लौटकर आई तब उत्सव के अवसर पर आटे का बिच्छू बनाया हुआ था। उसे हाथ में लिया तब उस पर भी मेरा अनुराग हो गया। यदि अनुराग मात्र से पिता होते हैं तो तेरे पांच पिता हैं अन्यथा राजा ही तेरा पिता है।'
माता को प्रणाम करके राजा अपने भवन में आया। रोहक को बुलाकर उसने एकान्त में पूछा—'तुमने कैसे जाना कि मैं पांच पिताओं से उत्पन्न हुआ हूं?' रोहक बोला—'आप न्यायपूर्वक प्रजा का पालन करते हैं अत: आप राजा के पुत्र हैं। आप खुले हाथों से दान देते हैं, इससे मैंने जाना कि आप वैश्रमण के पुत्र हैं। आप शत्रु के प्रति चाण्डाल की भांति क्रोध करते हैं, इससे मुझे ज्ञात हुआ कि आप चाण्डाल से उत्पन्न हैं। धोबी जैसे वस्त्रों को निचोड़ता हैं वैसे ही आप सर्वस्व हरण कर लेते हैं, इससे मैंने जाना कि आप रजकपुत्र हैं। विश्वस्त होकर सोते हुए मेरे शरीर पर आपने कम्बिका को चुभोया इससे मैंने जान लिया कि आप वृश्चिक से उत्पन्न हैं।
रोहक के उत्तर सुनकर राजा अत्यंत प्रसन्न हुआ और उसे मंत्रियों में प्रधान बनाकर प्रचुर भोग सामग्री भी दी।
१६४. पणित (शर्त )
एक ग्रामीण ककड़ियों से भरी गाड़ी लेकर शहर गया। शहर के बाहर एक धूर्त्त्त व्यक्ति मिला। ठगने की दृष्टि से वह धूर्त्त्त बोला—'जो व्यक्ति शकट की इन सारी ककड़ियों को खा ले तो उसको तुम क्या दोगे?' ककड़ियों का स्वामी वह ग्रामीण बोला—'यदि तुम इन सारी ककड़ियों को खा लो तो मैं तुम्हें इतना बड़ा लडू दूंगा जो इस नगरद्वार से निकल सके।' कुछ लोगों की साक्षी से शर्त निश्चित हो गयी।
उस धूर्त्त ने शकट की सारी ककड़ियां चख-चखकर छोड़ दीं। शर्त के अनुसार वह अपना पुरस्कार मांगने लगा। ग्रामीण बोला—'तुमने सारी ककड़ियां कहां खाई हैं?' धूर्त्त बोला—'लोग ही इस विषय में प्रमाण बनेंगे।' धूर्त्त उस ग्रामीण को बाजार में ले गया और बोला—'अब इसे बेचो।' जो भी ग्राहक ककड़ी खरीदने आता वह कहता कि ये तो सारी खाई हुई हैं, इन्हें कैसे खरीदें? धूर्त्त्त ने अपनी बात प्रमाणित कर दी कि उसने सारी ककड़ियां खा लीं। ग्रामीण ने भयभीत होकर एक दो यावत् सौ रुपये देने की बात कही लेकिन धूर्त्त्त संतुष्ट नहीं हुआ।
वह ग्रामीण शहर के जुआरियों के पास गया और अपनी समस्या का समाधान मांगा। द्यूतकारों ने उसे बुद्धि दी और उपाय बताया। वह ग्रामीण एक कंदोई की दुकान से एक मोदक लेकर आया और उसे नगरद्वार पर स्थापित करके बोला—'लडू! नगरद्वार से बाहर आओ, बाहर आओ। वह बाहर नहीं आया, वह शर्त जीत गया। यह जुआरियों की औत्पत्तिकी बुद्धि थी।
१६५. वृक्ष
एक रास्ते पर पथिक जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने आम का वृक्ष देखा। वृक्ष पर बंदर बैठे थे अत: वे फल तोड़ने में बाधक बन रहे थे। तब पथिकों ने उपाय सोचा और वे बंदरों पर पत्थर फेंकने लगे। बंदर कुपित होकर आम तोड़कर यात्रियों के ऊपर फेंकने लगे। पथिकों का प्रयोजन सिद्ध हो गया, उन्हे आम मिल गए।
१६६. मुद्रिका
राजगृह नगरी में महाराज प्रसेनजित् का पुत्र श्रेणिक राजलक्षणों से युक्त था। राज्य के लोभ में कोई राजकुमार इसे मार न डाले इसलिए राजा उसके प्रति रूखा व्यवहार करता था। 'मुझे कोई मार न डाले' इस भय से तथा पिता के रूखे व्यवहार से खिन्न होकर वह राज्य को छोड़कर चला गया। कुछेक सहायकों के साथ वह वेन्नातट पर पहुंचा और एक क्षीणवैभव सेठ की दुकान के बाहर जाकर बैठ गया। उसके पुण्यप्रभाव से उस दिन सेठ की दुकान में वर्ष भर में बिकने जितने भांड बिक गए। उसे प्रचुर अर्थलाभ हुआ। कुछ आचार्यो के अनुसार सेठ ने उस रात स्वप्न में रत्नाकर को अपने घर आया हुआ देखा और उसके साथ अपनी कन्या का विवाह होते हुए देखा। सेठ ने सोचा कि इसको कृपा से महती विभूति मिलेगी। श्रेणिक दुकान पर बैठने लगा। उसकी विशिष्ट आकृति देखकर सेठ ने सोचा—'यही रत्नाकर होगा।' उसके प्रभाव से उसने म्लेच्छ व्यक्तियों से अनर्घ्य रत्न प्रात किए। अत्यधिक लाभ होता देख सेठ ने उससे पूछा—'तुम किसके अतिथि हो?' श्रेणिक बोला—'अभी तो मैं आपका अतिथि हूं।' तब सेठ उसे घर ले गया। कुछ समय बाद सेठ ने उसके साथ अपनी पुत्री नंदा का विवाह कर दिया। वह वहीं रहने लगा। कालान्तर में नंदा स्वप्न में सफेद हाथी देखकर गर्भवती हुई।
इधर महाराज प्रसेनजित् ने श्रेणिक को लाने के लिए एक ऊंटनी भेजी और कहलवाया कि शीघ्र आ जाओ। वह दूत वहां पहुंचा। श्रेणिक ने सेठ से कहा—'हम राजगृह के प्रसिद्ध गोपाल पांडुरकुड्य हैं। यदि कोई प्रयोजन हो तो वहां आ जाना।' श्रेणिक चला गया। देवलोक से च्युत पुण्यशाली गर्भ के प्रभाव से नंदा के दोहद उत्पन्न हुआ कि वह श्रेष्ठ हाथी पर चढ़कर सब प्राणियों को अभय दे।
सेठ धनराशि लेकर राजा के पास गया और अपनी पुत्री के दोहद की बात कही। राजा ने भेंट स्वीकार की और उसका दोहद पूर्ण कराने की आज्ञा प्रदान कर दी। दोहद पूर्ण होने पर कालान्तर में नंदा ने पुत्र-रत्न का प्रसव किया, उसका नाम अभय रखा। कुछ वयस्क होने पर अभय ने मां से पूछा—'मेरे पिता का क्या नाम है और वे कहां रहते हैं?' मां ने राजगृह के पांडुरकुड्य की बात बताई। अभय बोला—'हम वहां चलें।' वे सार्थ के साथ राजगृह की ओर चले और राजगृह के बाह्य भाग में ठहरे। अभय गवेषणा करने गया। उसने एक स्थान पर लोगों को देखकर वहां एकत्रित होने का कारण पूछा। तब उसे लोगों से ज्ञात हुआ कि राजा एक मंत्री की खोज कर रहा है। परीक्षा के निमित्त राजा ने अपनी मुद्रिका कुंए में डाल दी और यह घोषणा करवाई कि जो कोई व्यक्ति कुंए की मेंढ पर बैठकर अपने हाथ से मुद्रिका निकालेगा, राजा उसको जीविका के साधन देगा। अभयकुमार ने यह सुना। उसने मुद्रिका पर गोबर डाल दिया और जब वह सूखकर उपल हो गया तब कुंए में पानी भरा। वह उपल तैरता हुआ ऊपर आ गया। कुंए की मेंढ पर बैठे अभय ने अपने हाथ से उसे उठा लिया। मुद्रिका लेकर वह राजा के समीप गया। राजा ने पूछा—'तुम कौन हो?' वह बोला—'मेरा नाम अभयकुमार है, मैं आपका पुत्र हूं।' राजा बोला—'कैसे?' उसने सारी बात बता दी। राजा ने प्रसन्न होकर अभय को गोद में बिठा लिया। अभयकुमार ने माता को सारी बात बताई। वह राजा से मिलने के लिए शृंगार करने लगी लेकिन स्वाभिमान के कारण अभय ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। राजा ने अभय को मंत्री बना दिया और नंदा को वस्त्र-आभूषण आदि देकर ससम्मान अपने महल में लेकर आ गया।
१६७. वस्त्र
दो व्यक्ति तालाब पर स्नान करने गए। एक व्यक्ति का कपड़ा मजबूत और ऊनी था तथा दूसरे का कपड़ा जीर्ण-शीर्ण था। दोनों कपड़े उतारकर स्नान करने लगे। जीर्ण वस्त्र वाला व्यक्ति स्नान करके पहले बाहर निकला और मजबूत तथा कीमती वस्त्र को लेकर चला गया। मूल स्वामी ने उससे अपना वस्त्र मांगा पर उसने देने से इंकार कर दिया। राजकुल में शिकायत पहुंची। न्यायाधिकारियों ने पूछा—'ये वस्त्र तुम लोगों ने खरीदे हैं या अपने घर में बुने हैं?' दोनों ने कहा—'घर में बुने हैं।' न्यायाधीशों ने दोनों की पत्नियों को बुलाकर सूत कतवाया। फिर सूत के आधार पर जो जिसका कपड़ा था, वह उसे दिया।
कुछ आचार्यों के अनुसार न्यायाधीशों ने दोनों के सिर पर कंघी करवाई। जिसका ऊनी कपड़ा था उसके सिर से ऊनी तंतु निकले तथा जिसका सूती कपड़ा था उसके सूती तंतु निकले। इस आधार पर जो जिसका कपड़ा था, वह उसे समर्पित कर दिया। यह न्यायाधीशों की औत्पत्तिकी बुद्धि थी।
१६८. ( अ) गिरगिट
एक व्यक्ति शौच के लिए गया। जहां वह बैठा था ठीक उसके नीचे गिरगिट का बिल था। दो गिरगिट लड़ते-लड़ते आए। एक गिरगिट अपने बिल में घुस गया। उस समय उसकी पूंछ से व्यक्ति के गुदा भाग का स्पर्श हो गया। उसने सोचा—'गिरगिट गुदा-मार्ग से भीतर चला गया है।' वह घर गया। परचिन्ता से वह दुर्बल हो गया।
एक दिन उसने वैद्य को बुलाकर सारी बात बताई और स्वस्थ होने का उपाय पूछा। वैद्य को रोग समझ में नहीं आया पर उसने बुद्धि-कौशल का प्रयोग किया। वह बोला—'यदि मुझे सौ रुपए दोगे तो मैं चिकित्सा कर दूंगा क्योंकि मूल्यवान् औषधि देनी होगी।' उसने स्वीकार कर लिया। वैद्य ने एक जीवित गिरगिट को लाख के रस से लिप्त कर उसे घड़े में डाल दिया। उस व्यक्ति को विरेचक औषधि देकर उसी घड़े में शौच करने को कहा। व्यक्ति जब शौच से निवृत्त हुआ तो वैद्य ने तड़फड़ाता हुआ लाक्षा रस से लिप्त गिरगिट उसे दिखाया। व्यक्ति चिंता मुक्त होकर पहले की भाति स्वस्थ हो गया।
(ब) गिरगिट
एक भिक्षु ने शैक्ष से पूछा—'यह गिरगिट सिर क्यों हिला रहा है?' शैक्ष बोला—'यह सोच रहा है कि यह भिक्षु है अथवा भिक्षुणी?'
१६९. काक (अ)
वेन्नातट पर एक बौद्ध भिक्षु ने शैक्ष साधु से पूछा—'तुम्हारे अर्हत् सर्वज्ञ हैं अत: सब कुछ जानते हैं।' साधु ने स्वीकृति दी तब उसने पूछा—'बताओ, इस शहर में कितने कौए हैं? शैक्ष बोला—'इस वेन्नातट पर ६० हजार कौए हैं। इस प्रश्न का उत्तर उसने बुद्धिबल से दिया। बौद्ध भिक्षु ने पूछा—'यदि कौए कम या अधिक होंगे तो?' शैक्ष ने उत्तर दिया—'यदि कम हों तो जान लेना यात्रा पर गए हैं और यदि अधिक हों तो समझ लेना कि बाहर से कुछ कौए अतिथि रूप में आ गए हैं। यह सुनकर बौद्ध भिक्षु निरुत्तर हो गया।
(ब) काक
एक वणिक् था। बाहर जंगल जाते हुए उसने निधि देखी। उसने सोचा कि मेरी पत्नी इस रहस्य को गुप्त रख सकती है या नहीं, इसको परीक्षा करनी चाहिए। उसने अपनी पत्नी से कहा—'मेरे अधिष्ठान में एक सफेद कौआ घुस गया है।' उसने अपनी सहेलियों को बात बता दी। सहेलियों ने अपने-अपने पति को यह बात बता दी। घूमते-घूमते बात राजा तक पहुंची। राजा ने वणिक् को बुलाकर पूछा तो उसने सारा वृत्तान्त बता दिया। राजा उसकी सत्यवादिता और बुद्धिकौशल से बहुत संतुष्ट हुआ। सारी निधि उसे दे दी और मंत्री पद पर नियुक्त कर दिया।
(स) काक
एक कौआ विष्ठा को पैरों से बिखेर रहा था। भागवत के एक अनुयायी ने जैन श्रावक से पूछा—'अरे! यह कौआ विष्ठा को क्यों बिखेर रहा है? प्रत्युत्तर देते हुए उसने कहा—'कौआ सोच रहा है कि यहां विष्णु हैं या नहीं?'
१७०. उत्सर्ग
एक ब्राह्मण अपनी युवा सुंदर पत्नी के साथ ग्रामान्तर जा रहा था। मार्ग में वह युवती एक धूर्त्त व्यक्ति के पास जाने के लिए तैयार हो गई। ब्राह्मण और धूर्त्त के बीच विवाद छिड़ गया। युवती को पूछने पर उसने धूर्त्त को अपना पति बताया। ग्राम-प्रधान के पास विवाद पहुंचा। ग्रामप्रधान ने दोनों को अलग-अलग बुलाकर पूछा—'इस युवती ने कल क्या भोजन किया था?' ब्राह्मण ने कहा—'तिल के मोदक खाए थे।' धूर्त्त को पूछने पर उसने कुछ और ही बताया। उस स्त्री को विरेचन दिया और मल का परीक्षण किया। मल में तिल निकले। न्यायाधीश ने धूर्त्त्त की अत्यंत भर्त्सना की और तरुणी को ब्राह्मण के साथ कर दिया।
१७१. गज
बसन्तपुर का राजा योग्य मंत्री की खोज में था। उसने घोषणा करवाई कि जो कोई इस अति विशाल हाथी को तोलकर इसका वजन बतायेगा, उसे लाख मुद्राएं दी जायेंगी। एक बुद्धिमान् व्यक्ति ने यह घोषणा सुनकर हाथी को तीलने की बात स्वीकार कर ली। वह हाथी को बड़े तालाब पर ले गया। उसे एक मजबूत नौका पर चढ़ाकर नौका को गहरे पानी में उतारा। हाथी के भार से नौका जितने पानी में डूबी, वहां एक चिह्न कर दिया। तट पर आकर हाथी को नौका से उतार कर उसमें काठ, पाषाण आदि भर दिए। जितने भार से नौका तालाब में चिहित रेखा तक डूबी, उतने पत्थरों के भार को तोल कर बता दिया कि हाथी का भार इतना है। उसने एक लाख मुद्राएं प्राप्त कर लीं।
१७२. भांड
एक भांड अत्यंत गुप्त बातों को जानने वाला था। राजा उसको बहुत मानता था। राजा अनेक बार उसके सामने रानी के गुणों की प्रशंसा करता था। राजा कहता कि रानी अत्यंत निरामय है, कभी अधोवात भी नहीं निकलती। भांड बोला—'ऐसा नहीं हो सकता।' राजा ने पूछा—'क्यों?' कारण बताते हुए भांड बोला—'रानी सदा फूल, केशर आदि सुगंधित द्रव्यों का प्रयोग करती है इसलिए आपको अधोवात का ज्ञान नहीं होता। जब इनका प्रयोग न करे तब पता चलेगा कि अधोवात निकलती है या नहीं।
एक दिन राजा ने पुष्प आदि सुगंधित द्रव्यों को रानी से दूर हटा दिया। राजा को अधोवात का ज्ञान हुआ तब उसे हंसी आ गयी। रानी ने पूछा—'अकारण क्यों हंस रहे हो?' राजा ने जब कारण नहीं बताया तो उसने आग्रह किया। आखिर राजा ने रानी को सारी बात बता दी। रानी ने क्रुद्ध होकर भांड को देश निकाला दे दिया। भांड जूतों की गठरी बांधकर रानी के सामने उपस्थित हुआ। रानी ने पूछा—'इतने जूते क्यों ले जा रहे हो?' भांड बोला—'देशान्तरों में जहां तक मैं इन जूतों के सहारे जा सकूंगा, वहां सब जगह देवी के गुणों को प्रकाशित करता रहूंगा!' अपयश के भय से रानी ने निर्वासन का आदेश वापिस ले लिया। यह भांड की औत्पत्तिकी बुद्धि थी।
१७३. लाख
एक बालक के नाक में लाख की गोली फंस गयी। एक बुद्धिमान् सुनार ने शलाका गर्म करके उससे लाख के गोलक को पिघलाकर बाहर निकाल दिया। बालक स्वस्थ हो गया।
१७४. स्तम्भ
एक राजा मंत्री की खोज में था। उसने एक युक्ति निकाली। तालाब में एक खंभा गड़वाया और यह घोषणा करवाई कि जो व्यक्ति किनारे पर बैठा-बैठा इस स्तम्भ को रस्सी से बांध देगा, उसे लाख मुद्राओं से पुरस्कृत किया जायेगा। एक व्यक्ति आया और तालाब के किनारे एक कीलक गाड़कर उसमें रस्सी बांध कर तालाब के चारों ओर घूमा। तालाब का मध्यगत स्तम्भ रस्सी के बीच में आ गया। फिर उसने अपने कीलक को उखाड़कर रस्सी खींच ली। खंभा रस्सी से बंध गया। उस व्यक्ति को राजा ने अपना मंत्री बना दिया।
१७५. क्षुल्लक
एक परिव्राजिका प्रतिज्ञापूर्वक कहती थी कि मैं कुशलकर्मा हूं। पुरुष जो कुछ करता है, वह सब मैं कर सकती हूं। मेरे लिए कोई कार्य अशक्य नहीं है। राजा ने नगर में पटह के द्वारा यह घोषणा करवा दी। भिक्षा के लिए घूमते हुए क्षुल्लक ने यह घोषणा सुनी। क्षुल्लक ने इस घोषणा का प्रतिवाद किया। घोषणा बंद कर राजपुरुष राजकुल में पहुंचे। परिव्राजिका ने क्षुल्लक से पूछा—'मैं क्या करूं?' क्षुल्लक ने अपनी जननेन्द्रिय दिखाकर कहा—'तुम भी दिखाओ, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकी।' क्षुल्लक ने मूत्र विसर्जित करते हुए उससे पद्म का आलेख किया लेकिन परिव्राजिका ऐसा नहीं कर सकी। परिव्राजिका पराजित हो गयी और क्षुल्लक जीत गया।
१७६. (अ) मार्गस्त्री
एक व्यक्ति पत्नी के साथ वाहन से ग्रामान्तर जा रहा था। पत्नी शरीरचिन्ता को निवृत्ति के लिए वाहन से नीचे उतरी। वहां एक व्यन्तरी उस पुरुष के रूप में आसक्त होकर वाहन में आकर बैठ गई। शौच-क्रिया से निवृत्त होकर जब उसकी मूल पत्नी आई तो वाहन को न देखकर वह रोने लगी। वाहन का पीछा कर वह गांव में पहुंची और पति के पास अपने समान रूप वाली स्त्री को देखा। उसने ग्राम-प्रधान से न्याय मांगा। दोनों स्त्रियां उस पुरुष को स्वयं का पति तथा एक दूसरे को व्यन्तरी बताने लगीं। प्रधान ने दोनों स्त्रियों को दोनों ओर तथा बीच में पुरुष को खड़ा करके कहा—'जो अपने हाथ से इसका स्पर्श कर लेगी, वही इसकी स्त्री मानी जाएगी।' मूल पत्नी का हाथ पुरुष तक नहीं पहुंचा। वह निराश होकर खड़ी रही। व्यन्तरी ने वैक्रिय शक्ति से हाथ लंबा कर पुरुष का स्पर्श कर डाला। प्रधान ने जान लिया कि यह व्यन्तरी है। पुरुष अपनी मूल पत्नी को साथ लेकर चला गया।
(ब) मार्गस्त्री
मूलदेव और कंडरीक मार्ग से कहीं जा रहे थे। मार्ग में उन्होंने एक पुरुष को महिला के साथ जाते हुए देखा । कंडरीक महिला के रूप में आसक्त हो गया। मूलदेव कंडरीक से बोला—'मैं तुम दोनों का मिलाप कराता हूं।' मूलदेव ने कंडरीक को एक वन-निकुंज में बिठा दिया और स्वयं मार्ग पर बढ़ने लगा। जब वह पुरुष स्त्री के साथ आया तब मूलदेव ने उससे कहा—'यहां मेरी पत्नी प्रसव के निकट है अत: कृपा करके तुम अपनी पत्नी को वहां भेज दो।' उसने पत्नी को उस वन-निकुंज में भेज दिया। वह उसके साथ रहकर लौट आई और मूलदेव का वस्त्र पकड़ कर हंसती हुई बोली—'तुम्हारी पत्नी ने एक सुन्दर बालक को जन्म दिया है।'
१७७. पति
एक गांव में दो भाई थे। दोनों के एक ही पत्नी थी। लोगों को इस बात का आश्चर्य था कि स्त्री का दोनों के प्रति समान राग है। राजा को भी यह सुनकर विस्मय हुआ। उसने अपने अमात्य से कहा। अमात्य बोला—'ऐसा होना संभव नहीं है। अवश्य ही इसमें कोई विशेष बात है।' अमात्य ने उस स्त्री को आदेश दिया कि वह दोनों पतियों को दो गावों में भेजे। एक को पूर्व दिशा के गांव में तथा दूसरे को पश्चिम दिशा के गांव में और उन्हें यह भी कह दे कि उसी शाम को घर लौट आना है। यह आदेश प्राप्त कर उस स्त्री ने बड़े भाई को पूर्व दिशा की ओर तथा छोटे भाई को पश्चिम दिशा की ओर भेजा। इससे मंत्री ने जान लिया कि जिसको पूर्व की ओर भेजा है, वह दिष्ट है क्योंकि उसको आते-जाते दोनों समय ललाट पर सूर्य का ताप झेलना पड़ा। पश्चिम की ओर जाने वाले को नहीं।
मंत्री के निर्णय पर राजा ने विश्वास नहीं किया क्योंकि दोनों दिशाओं में एक-एक को भेजना जरूरी था। मंत्री ने दूसरा प्रयोग भी किया। कुछ समय पश्चात् पूर्ववत् दोनों भाइयों को प्रस्थित कर दोनों के लौटने के समय दो व्यक्तियों ने एक ही समय में आकर पत्नी से कहा—मार्ग में आते हुए तुम्हारे पति अत्यंत बीमार हो गए हैं। यह सुनकर पत्नी ने बड़े भाई की बीमारी के प्रति उपेक्षा के भाव दिखाए।' छोटे भाई की बीमारी के प्रति चिंता व्यक्त करती हुई वह बोली—'वे प्रारंभ से ही शिथिल संहनन और कोमल शरीर वाले हैं, उनको संभालना आवश्यक है।' वह उसी दिशा में प्रस्थित हो गई। सभी को मंत्री की बात पर विश्वास हो गया।
१७८. पुत्र
एक श्रेष्ठी के दो पत्नियां थीं। एक के पुत्र था, दूसरी के नहीं। एक बार सेठ अपनी दोनों पत्नियों को साथं ले अन्य राज्य में गया। वहां उसकी मृत्यु हो गई। पुत्र छोटा और भोला था। उसके प्रति दोनों का समान स्नेह था अत: वह मूल मां को नहीं पहचानता था। दोनों पत्नियों में विवाद हो गया। एक कहती—'यह मेरा पुत्र है और दूसरी कहती—'यह मेरा है। दोनों में सामंजस्य नहीं हुआ। वे राज-दरबार में पहुंचीं। विचित्र विवाद था। अमात्य ने न्याय करते हुए कहा—'सेठ की संपत्ति के दो भाग कर दो। फिर करवत से बच्चे के दो भाग कर दोनों को एक-एक दे दो।' मूल मां बोली—'यह इसी का पुत्र है, इसे दे दो पर बच्चे को मत मारो।' दूसरी स्त्री चुपचाप बैठी रही तब अमात्य ने जान लिया कि सच्ची मां कौन है? उसी को पुत्र सौंप दिया और दूसरी का तिरस्कार करके निकाल दिया।
१७९. शहद का छत्ता
एक जुलाही उद्भ्रामिका थी। एक जार पुरुष के साथ मैथुन क्रीड़ा में रत उसने मधुमक्खी का छत्ता देखा। उसका पति मोम खरीदना चाहता था पर उसने उसे रोक दिया और कहा—'मत खरीदो, मैं तुम्हें मधुमक्खी का छत्ता दिखा दूंगी।' वे दोनों गवाक्ष में गए पर पति को वह छत्ता दिखाई नहीं दिया। तब जुलाहे की उस पुत्री ने रतिमुद्रा में स्थित होकर वह दिखाया। पति ने जान लिया कि यह व्यभिचारिणी है अन्यथा ऐसे कैसे होता?
१८०. मुद्रिका
एक गांव में एक पुरोहित रहता था। वह जनता का विश्वासपात्र था। लोगों में यह धारणा थी कि यह सत्यवादी और लोभरहित है। लोग उसके पास अपनी चीजें धरोहर के रूप में रख देते थे। एक बार एक द्रमक हजार सिक्कों से भरी नौली पुरोहित के पास रखकर देशान्तर गया। प्रयोजन पूरा होने पर उसने पुरोहित से नौली मांगी लेकिन पुरोहित ने नौली देने से इंकार कर दिया। द्रमक पागल जैसा हो गया।
एक बार अमात्य उसी रास्ते से जा रहा था। द्रमक ने अपनी बात मंत्री को बताते हुए कहा—'कृपा करके आप पुरोहित से मेरी हजार द्रमकों से भरी नौली दिला दीजिए।' अमात्य को उस पर दया आ गयी। राजा ने पुरोहित को बुलाकर नौली वापिस देने को कहा लेकिन पुरोहित ने अस्वीकार करते हुए कहा—'मेरे पास इसकी कोई नौली नहीं है।' राजा ने द्रमक को एकान्त में बुलाकर सत्य बात बताने को कहा। उसने राजा को दिन, मुहूर्त्त्त, स्थान तथा पार्श्ववर्ती साक्षी की सही-सही जानकारी दे दी।
एक बार राजा पुरोहित के साथ द्यूतक्रीड़ा करने लगा। राजा ने आपस में मुद्रिकाओं का परिवर्तन कर लिया। राजा ने एकान्त में जाकर अपने विश्वासपात्र कर्मचारी को मुद्रिका देते हुए कहा—'पुरोहित को ज्ञात न हो, इस प्रकार तुम उसके घर जाकर उसकी पत्नी को कहो कि द्रमके ने अमुक दिन, अमुक समय में जो सहस्र द्रमकों वाली नौली दी थी, वह मुझे दो। पत्नी को विश्वास दिलाने के लिए यह पुरोहित की मुद्रिका दिखा देना।' पुरोहित की मुद्रिका देखकर पत्नी को विश्वास हो गया और उसने वह नौली दे दी। वह नौली को लेकर राजा के पास आया। राजा ने अनेक नौलियों के मध्य वह द्रमक वाली नौली रख दी। पुरोहित के सामने द्रमक को अपनी नौली पहचानने के लिए कहा। द्रमक ने अपनी नौली पहचान ली। राजा ने वह नौली उसे दे दी और पुरोहित की जीभ कटवा दी।
१८१. अंक
एक सेठ दूसरों की धरोहर लेकर प्रामाणिकता से उनको वापिस लौटा देता था। लोगों में उसके प्रति प्रशंसा एवं सम्मान के भाव थे। एक बार एक द्रमक मे हजार रुपयों से भरी थैली सेठ के यहां धरोहर के रूप में रखी। सेठ ने थैली के निचले हिस्से में छेद करके खरे रुपए निकाल लिए और उसमें खोटे सिक्के भर दिए। नीचे से थैली की फिर वैसी ही सिलाई कर दी। परदेश से लौटकर जब वह व्यक्ति धरोहर मांगने आया तो सेठ ने उसे वह थैली दे दी। उसने मुद्रा तोड़ी। अंदर खोटे सिवके देखकर उसने सेठ से पूछा पर सेठ ने इन्कार कर दिया। वह व्यक्ति न्याय के लिए राजकुल में गया। न्यायाधीश ने पूछा—'तुम्हारी नौली में कितने रुपए थे?' द्रमक बोला—'हजार रुपए थे।' न्यायाधीश ने नौला में हजार रुपए गिनकर डालने शुरू किए। सिलाई के कारण नीचे का भाग कुछ संकड़ा हो गया था अत: रुपए नहीं समा सके। राजा को निवेदन करने पर सेठ को अनैतिकता के लिए दंडित किया गया।
१८२. नाणक
एक व्यक्ति मोहरों से भरी नौली सेठ के पास धरोहर के रूप में रखकर परदेश चला गया। सेठ ने असली मोहरें निकालकर उसमें नकली मोहरें भर दीं। देशान्तर से आकर व्यक्ति ने जब अपनी नौली खोली तो उसमें नकली मोहरें थीं। उसने सेठ से पूछा। सेठ ने कहा—'मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता।' निराश होकर व्यक्ति विवाद को लेकर न्यायालय में पहुंचा। न्यायाधीश ने पूछा—'वह नौली किस समय रखी थी?' उसने धरोहर रखने का सही समय बता दिया। उस नौली की मोहरें वर्तमान काल की थीं और उस व्यक्ति का धरोहर रखने का समय उससे पहले का था। सेठ का कपट राजा को निवेदन किया गया। सेठ को अपराधी घोषित कर उसे दंडित किया गया और धरोहर के स्वामी को असली मोहरें दिला दी गयीं।
१८३. भिक्षु
एक संन्यासी के पास मोहरों को नौली धरोहर रूप में रखकर व्यक्ति परदेश चला गया। वहां से लौटकर वह संन्यासी से नौली लेने गया। संन्यासी ने आनाकानी की। तब उस व्यक्ति ने जुआरियों से मदद मांगी। उन्होंने पूछा तब व्यक्ति ने सही-सही बात बता दी। उन जुआरियों ने गेरुए वस्त्र पहने और स्वर्ण-पादुकाएं लेकर संन्यासी के पास पहुंचे। वे संन्यासी से बोले—'हम तीर्थयात्रा के लिए जा रहे हैं। ये स्वर्णपादुकाएं आप अपने पास रखें। तीर्थयात्रा से लौटकर हम आपसे वापिस ले लेंगे। आपकी सत्यनिष्ठा पर हमें पूरा विश्वास है।' वे बात कर ही रहे थे कि ठीक उसी समय वह संकेतित नौली वाला पुरुष वहां आ पहुंचा और संन्यासी से अपनी धरोहर मांगी। भिक्षु ने सोचा यदि में इसकी धरोहर नहीं लौटाऊंगा तो मेरे प्रति इनको अविश्वास हो जाएगा। संन्यासी ने स्वर्णपादुकाओं के लालच में उसकी धरोहर उसे दे दी। वे भिक्षु वेषधारी पादुका लेकर यह कहते हुए चले गए कि हम इनको मंजूषा में रखकर आपके पास छोड़ जायेंगे।
१८४. बालक-निधान
दो मित्र ग्रामान्तर जा रहे थे। उनमें एक कपटी था और दूसरा सरल। मार्ग में उन्होंने निधान देखा। कपट मित्र बोला—'आज नक्षत्र ठीक नहीं है अत: कल सुनक्षत्र की वेला में इसे ले जायेंगे।' वह धूर्त्त मित्र उसी दिन उस निधान को निकालकर घर ले गया और उसके स्थान पर कोयले रख दिए। दूसरे दिन प्रात:काल दोनों मित्र वहां गए। निधान के स्थान पर कोयले देखकर वे हैरान हो गए। वह धूर्त्त्त मित्र सिर पीटकर बोला—'हम कितने मंदभाग्य हैं? निधान कोयला कैसे हो गया?' दूसरा मित्र उसके कपट को समझ गया पर उसने अपने हृदय की बात प्रकाशित नहीं की। उसने मित्र से बदला लेने का उपाय ढूंढ निकाला। उसने मित्र की मिट्टी की मूर्ति बनवाई और दो बंदर ले आया। वह उस मूर्ति के हाथ आदि पर खाने की वस्तुएं रखता तब वे दोनों बंदर भूख मिटाने के लिए उस मूर्ति पर चढ़कर खाद्य वस्तुएं खाते। यह क्रम अनेक दिनों तक चला। बंदर उस प्रतिमा से खेलने लगे।
एक दिन उसने अपने धूर्त्त्त मित्र के दोनों बच्चों को भोजन करने बुलाया और उन्हें गुप्त स्थान में छिपा दिया। जब बालक लौटकर घर नहीं पहुंचे तो पुत्र-दु:ख से संतप्त होकर उन्हें लेने के लिए वह धूर्त्त अपने मित्र के घर पहुंचा। उसने वह मिट्टी की प्रतिमा वहां से हटवा दी और उसके स्थान पर मित्र को खड़ा कर दिया। बंदर उछल-कूद मचाते हुए प्रतिमा समझकर उस पर चढ़ने लगे। बालकों के बारे में पूछने पर वह सरल मित्र बोला—'मित्र! तुम्हारे दोनों पुत्र बंदर हो गए हैं।' धूर्त्त मित्र बोला—'आश्चर्य है, पुत्र बंदर कैसे बन गए?' वह बोला—'जैसे दुर्भाग्यवश निधान कोयला बन गया, वैसे ही ये बालक बंदर बन गए।' धूर्त्त ने समझ लिया कि इसे निधान वाली घटना का पता चल गया है, अब यदि मैं विवाद करूंगा तो यह मुझे राजकुल में ले जाएगा। कपट मित्र ने निधान का आधा हिस्सा उसे लौटा दिया। तब उसने भी उसको दोनों बालक सौंप दिए।
१८५. शिक्षाशास्त्र ( धनुर्वेद )
एक कुलपुत्र धनुर्वेद की विद्या में कुशल था। वह कहीं भी जाता तो धनिक पुत्रों को एकत्रित कर धनुर्वेद की शिक्षा देता था। उसने प्रचुर धन अर्जित कर लिया। धनिक पुत्रों के पिताओं को यह बात चुभने लगी कि इसने हमारे पुत्रों से बहुत धन ले लिया है। उन्होंने सोचा—'जब यह यहां से जायेगा, तब हम इसको मार डालेंगे। इसको किसी भी उपाय से धन नहीं ले जाने देंगे।' उस कुलपुत्र को यह षड्यंत्र ज्ञात हो गया। तब उसने अपने परिचितों को यह संदेश कहलवाया कि मैं अमुक दिन को रात में गोबर के उपले नदी में डालूंगा, तुम उनको ग्रहण कर सुरक्षित रख देना। उसने गोबर में सारा धन डालकर उपल बना दिए। एक दिन उसने धनिक पुत्रों से कहा—'हमारी यह कुल-विधि है कि हम पर्व-तिथि को नदी में उपले डालते हैं।' बंधुजन उन उपलों को लेकर गांव चले गए। दूसरे दिन उसने धनिकपुत्रों और उनके पितृजनों को बुलाकर कहा—'मैं अपने गांव जा रहा हूं। मेरे पास इन कपड़ों के सिवाय और कुछ भी नहीं है। जब उन्होंने उसके पास कुछ नहीं देखा तो उसे मारने का विचार छोड़ दिया। उसने अपनी औत्पत्तिकी बुद्धि से धन और जीवन दोनों बचा लिए।
१८६. अर्थशास्त्र
एक वणिक् के दो पत्नियां थीं। एक पुत्रवती तथा दूसरी वन्ध्या थीं। पुत्र पर दोनों का समान स्नेह था। एक बार वणिक् अपनी पत्नियों के साथ सुमतिनाथ की जन्मभूमि में चला गया। किसी कारण से वहां वणिक् की मृत्यु हो गयी। पुत्र और सम्पत्ति के लिए दोनों में विवाद हुआ। न्याय के लिए दोनों राजकुल में पहुंचीं पर निपटारा नहीं हुआ। तीर्थंकर सुमतिनाथ की मां सुमंगला देवी ने कहा—'इस समस्या का समाधान मैं करूंगी।' रानी ने दोनों स्त्रियों को बुलाकर कहा—'कुछ समय पश्चात् मेरे कोख से एक पुत्र उत्पन्न होगा। कुछ बड़ा होने पर वह इस अशोक वृक्ष के नीचे बैठकर विवाद को समाहित करेगा, तब तक तुम दोनों आराम से खाओ-पीओ और बच्चे का पालन-पोषण करो। इस निर्णय को सुनकर वन्ध्या प्रसन्न हो गयी। उसने सोचा कि इतना लम्बा समय मिल गया। आगे जो होगा, देखा जाएगा। उसने रानी के निर्णय को स्वीकार कर लिया। पुत्र की मूल माता उदास हो गयी। रानी सुमंगला ने उसकी उदासी से जान लिया कि यही इसकी सच्ची माता है। उसने निर्णय दिया कि यह गृहस्वामिनी होगी और पुत्र भी इसके साथ रहेगा।
१८७. इच्छा
एक वणिक् ब्याज पर दूसरों को रुपये देता था। अचानक उसका देहान्त हो गया। उसकी पत्नी ब्याज पर दिए रुपये वसूल नहीं कर पा रही थी। उसने अपने पति के एक मित्र से कहा—'तुम मेरे रुपये वसूल करवा दो।' उसने कहा—'यदि तुम मुझे उसका कुछ हिस्सा दो तो मैं सहयोग कर सकता हूं।' वह बोली—'तुम जो चाहो, वह हिस्सा मुझे दे देना।' उसने प्रयत्न किया और सारे रुपये वसूल कर लिए। उसमें से उसने सेठानी को थोड़ा हिस्सा देना चाहा। उसने लेने से इन्कार कर दिया। दोनों मे विवाद हो गया। न्यायाधीश के पास विवाद पहुंचा। न्यायाधीश ने सारा धन मंगाकर उसके दो पुंज कर दिए—'एक छोटा और एक बड़ा।' वणिक् को पूछा—'तुम कौनसा पुंज लेना चाहते हो?' उसने कहा—'बड़ा पुंज क्योंकि सेठानी ने मुझे कहा था कि तुम जो चाहो वह मुझे दे देना।' न्यायाधीश बोला—'इस शर्त के अनुसार तुमने बड़ा ढेर चाहा है, इसलिए यह सेठानी को दो और तुम छोटा ढेर लो क्योंकि तुम्हारी शर्त यही है।
१८८. शतसहस्र
एक व्यक्ति संन्यास से परिभ्रष्ट होकर इधर-उधर घूमता था। उसके पास लाख रुपयों के मूल्य वाला एक स्वर्ण पात्र था। उसने यह घोषणा करवाई कि जो कोई मुझे अपूर्व और अश्रुतपूर्व बात सुनायेगा, उसे मैं यह स्वर्णपात्र दे दूंगा। उसकी यह विशेषता थी कि वह एक बार सुनकर बात याद रख लेता था इसलिए कोई उसे जीत नहीं सकता था। उसकी घोषणा सुनकर अनेक व्यक्ति उसके पास आए पर उसने अपनी स्मृति के आधार पर सबको परास्त कर दिया।
एक सिद्धपुत्र ने उसकी घोषणा सुनी। वह चुनौती देकर अपूर्व बात सुनाने के लिए उपस्थित हुआ। उसने कहा—
तुज्झ पिया मह पिउणो, धारे अणूणगं सयसहस्सं।
जइ सुयपुव्वं दिज्जउ, अह न सुयं खोरयं देहि।।
अर्थात् तुम्हारे पिता ने मेरे पिता से एक लाख रुपए लिए थे। यह बात तुम्हें याद हो तो लाख रुपए दो अन्यथा तुम्हारा यह स्वर्णपात्र दो। परिव्राजक परास्त हो गया और प्रतिज्ञा के अनुसार उसने यह स्वर्णपात्र उसको दे दिया।
वैनयिकी बुद्धि के दृष्टान्त
१८९. निमित्त
एक सिद्धपुत्र था। उसने अपने दो शिष्यों को निमित्तशास्त्र का अध्ययन करवाया। दोनों शिष्यों में एक गुरु के प्रति अत्यंत विनीत था। विमर्शपूर्वक गुरु के पास अध्ययन करने से उसकी प्रज्ञा प्रकर्ष को प्राप्त हो गयी। दूसरा शिष्य अविनीत था। उसने केवल ग्रंथों का अध्ययन किया, उसका चिंतन नहीं किया अत: उसकी प्रज्ञा का विकास नहीं हुआ।
एक बार तृण, काष्ठ आदि लाने के लिए वे समीपवर्ती गांव में गए। रास्ते में उन्होंने बड़े-बड़े पदचिन्हों को देखा। अविनीत शिष्य तत्काल बोला—'ये हाथी के चिन्ह हैं।' विनीत शिष्य ने चिंतनपूर्वक उत्तर दिया—'ये हाथी के नहीं, हथिनी के चिन्ह हैं और वह बाई आंख से कानी है। हथिनी पर लाल सस्त पहने रानी बैठी है और वह गर्भवती है। शीघ्र ही वह पुत्र का प्रसव करेगी। नदी के किनारे जाने पर पता चला कि विनीत शिष्य की बात सही थी। अविनीत शिष्य ने पूछा—'तुम्हें ये सारी बातें कैसे ज्ञात हुई।' उसने कहा—'प्रस्रवण भूमि को देखकर मैंने जाना कि ये पैर हथिनी के हैं। दक्षिण पार्श्व की लताएं एवं तृण खाए हुए थे, इस आधार पर मैंने जाना कि हथिनी बांयी आंख से कानी है। हथिनी पर आरूढ व्यक्ति ने एक स्थान पर उतरकर प्रस्रवण किया उसके आधार पर मैंने जाना कि वह स्त्री है। हथिनी पर कोई सामान्य व्यक्ति आरूढ नहीं हो सकता, इसके आधार पर मैंने निश्चय किया कि वह रानी होनी चाहिए। वृक्ष पर लाल वस्त्र की किनारी का हिस्सा देखकर मैंने अनुमान किया कि वह सधवा स्त्री होनी चाहिए। प्रस्रवण करके जब वह उठी तो भूमि पर हाथ के सहारे से उठी, इस आधार पर मैंने जाना कि वह गर्भवती थी। उसका दाहिना पैर भारी था, इससे ज्ञात हुआ कि शीघ्र ही वह पुत्र को जन्म देगी।
इसके बाद दोनों मित्र नदी के तट पर पहुंचे। एक वृद्धा पानी से भरा घट सिर पर लेकर उधर आई। दोनों को आकृति से विद्वान् जानकर वह उनके पास आकर बोली—'मेरा पुत्र देशान्तर गया हुआ है, वह वापिस कब आएगा?' प्रश्न पूछते ही उसके सिर पर रखा हुआ घड़ा गिरकर फूट गया। अविमृश्यकारी शिष्य तत्काल बोला—'तेरा पुत्र मर गया।' विमृश्यकारी शिष्य बोला—'ऐसा मत कहो। बुढ़िया मां! तुम घर जाओ, तुम्हारा पुत्र घर पहुंच गया है, वह तुम्हे मिल जाएगा।' बुढ़िया उसको आशीर्वाद देती हुई घर पहुंची। बुढ़िया ने देखा कि पुत्र पहले ही घर आया हुआ था। वह कुछ रुपए एवं वस्त्र-युगल लेकर विनीत शिष्य के पास आई और उसका सत्कार-सम्मान करके बोली—'तुम्हारा कथन सत्य हुआ, मेरा बेटा घर पर आ गया है।' बुढ़िया ने कहा—'तुम दोनों की बात में इतने अंतर का कारण क्या है?' अविनीत शिष्य बोला—'घड़े फूटने के आधार पर मैंने कहा कि तुम्हारा पुत्र मर गया।' विनीत शिष्य बोला—'जो भूमि से उत्पन्न हुआ था, वह भूमि में मिल गया, इस आधार पर मैंने जाना कि तुम्हारा पुत्र तुम्हें मिल जाएगा।'
कार्य सम्पन्न कर दोनों शिष्य गुरु के पास आए। गुरु के दर्शन करते ही विमृश्यकारी शिष्य ने सिर झुकाकर बहुमानपूर्वक गद्गद हृदय से गुरु को प्रणाम किया लेकिन दूसरा शिष्य ऐसे ही खड़ा रहा। उसने गुरु के चरणों में प्रणिपात नहीं किया।
गुरु ने पूछा—'आज तुम प्रणाम क्यों नहीं कर रहे हो?'
अविनीत शिष्य बोला—'आपने मुझे अच्छी तरह ज्ञान नहीं दिया। इसका सारा ज्ञान सत्य निकला और मेरा असत्य निकला।' उसने गुरु को सारी बात बताई।
गुरु ने अविनीत शिष्य से कहा—'इसमें मेरा दोष नहीं है। तुमने विनयपूर्वक विद्या ग्रहण नहीं की तथा किसी भी तथ्य पर विमर्श नहीं किया इसलिए तुम्हारी विद्या फलीभूत नहीं हुई। मैं तो केवल शास्त्र का बोध कराता हूं पर विमर्श और परिणमन अपनी-अपनी बुद्धि के आधार पर होता है।'
१९०. अर्थशास्त्र ( राजनीति )
नंदवंश में नंद राजा का शासन चल रहा था। उसकी राजधानी पाटलिपुत्र थी। एक बार उसने अपने मंत्री कल्पक को किसी अपराध के कारण कुंए में डलवा दिया। उसको मृत्यु की बात सुनकर शत्रु राजाओं ने पाटलिपुत्र पर आक्रमण कर दिया। नंद राजा ने उसे तत्काल कुंए से निकाला। वह नौका पर आरूढ होकर शत्रु राजा के मंत्रियों के पास संधिवार्ता के लिए गया। उसने उनके सामने इक्षुसमूह के ऊपर और नीचे के भाग को छिन्न कर दिया। फिर बीच में क्या बचेगा यह असम्बद्ध बात हाथ के संकेत से बताकर उनको प्रदक्षिणा देकर लौट आया।
शत्रु राजा के मंत्री कल्पक के इस गूढ संकेत को नहीं समझ सके कि तुम्हारा समूल शिरच्छेदन कर आवर्त्त (कूप) में डाल दूंगा। वे लज्जित होकर राजा के पास जाकर बोले—'कल्पक अनर्गल प्रलाप करता है। हम उसकी बात नहीं समझ सके।' राजा ने समझ लिया कि कल्पक जीवित है तो उस राज्य को जीतना शक्य नहीं है।
१९१. लेख, गणित
लाट, कर्नाटक, द्रविड़ आदि अठारह देश की लिपियों को जानने वाली बुद्धि वैनयिकी है। एक उपाध्याय राजपुत्रों को पढ़ाता था। राजकुमारों का मन पढ़ाई में नही लगता था। वे लाक्षा गोलकों से खेलते रहते थे। उपाध्याय ने अपनी बुद्धि का प्रयोग किया। उसने लाक्षा गोलकों से खेल-खेल में राजकुमारों को अक्षर और अंकों का ज्ञान करवा दिया। इस विधि से उसने राजकुमारों को गणित और लिपि का ज्ञान करवा दिया। यह उपाध्याय की वैनयिकी बुद्धि थी।
१९२. कूप-खनन
एक भूजलवेत्ता ने एक व्यक्ति से कहा—'इतने गहरे में पानी है।' उसके निर्देशानुसार उस व्यक्ति ने खुदाई की। पत्थर की शिला बीच में आने के कारण पानी नहीं निकला। उसने भूजलवेत्ता से कारण पूछा। वह बोला—'पास वाली भूमि पर एडी से प्रहार करो।' प्रहार के साथ ही आवाज करता हुआ पानी बाहर निकल आया। यह भूजलवेत्ता की वैनयिकी बुद्धि का उदाहरण है।
१९३. अश्व
अश्ववणिक् द्वारिका में पहुंचे। वहां सभी राजकुमारों ने स्थूलकाय और बड़े अश्व खरीदे। वासुदेव कृष्ण ने एक दुर्बल किन्तु लक्षणयुक्त अश्व खरीदा। वह कार्यक्षम था अत: अनेक अश्वों में मुख्य बन गया।
१९४. गर्दभ
एक राजकुमार तरुण अवस्था में राजा बना अत: उसे तरुण अधिक प्रिय थे। उसने अपनी सेना में तरुण लोगों को भरती किया और वृद्ध पुरुषों को छुट्टी दे दी। एक बार वह विजय-यात्रा पर जा रहा था। मार्ग में सघन अटवी आई। राजा और स्कन्धावार के सदस्य प्यास से आकुल-व्याकुल हो गए। पानी प्राप्त करने का उपाय कोई भी तरुण जान नहीं पाया। एक युवक ने राजा से कहा—'किसी अनुभवी स्थविर की बुद्धि से ही हम इस संकट को पार कर सकते हैं अत: आप किसी वृद्ध पुरुष की खोज करें।' राजा ने स्थविर पुरुष की खोज की लेकिन वहां कोई स्थविर नहीं मिला। राजा ने पटह से घोषणा करवाई कि कोई वृद्ध पुरुष हो तो सामने आए।
एक पितृभक्त सैनिक प्रच्छन्न रूप से अपने पिता को भी साथ लाया था। तरुण बोला—'राजन्! यद्यपि आपने वृद्ध लोगों का निषेध किया था लेकिन पितृभक्ति के कारण मैं अपने पिता को साथ लेकर आया हूं।' राजा ने स्थविर को बुलाया और अटवी में जल-प्राप्ति का उपाय पूछा। वृद्ध बोला—'राजन्! गर्दभ चरते हुए जिस भूभाग को सुंघे, वहां खोदने पर आपको पानी मिल जाएगा।' वृद्ध के कथनानुसार पानी मिल गया। सभी व्यक्ति संकट से उबर गए।
१९५. लक्षण
पारस देश में एक घोड़ों का व्यापारी रहता था। उसने एक अश्वरक्षक को इस शर्त पर रखा कि नियत अवधि के पश्चात् अश्व-रक्षा के स्वरूप उसे दो मनपसंद अश्व दे दिए जाएंगे। उस अश्वरक्षक पर अश्व स्वामी की पुत्री अनुरक्त हो गई। रक्षक ने उससे पूछा—'दो अच्छे अश्व कौन से हैं?' उसने कहा—'निश्चिंत सोए हुए घोड़े को यदि तेज कर्कश आवाज में उठाया जाए तो भी जो उत्रस्त न हो, वह उत्तम अश्व है। दूसरी बात —'अश्वों के समक्ष ढोल बजाओ, खर-खर शब्द करो तो भी उन शब्दों से जो अश्व त्रस्त न हो, वह अच्छा अश्व है।' अश्वरक्षक ने उसी विधि से घोड़ों का परीक्षण किया।
वेतन प्रदान करते समय उसने अश्वस्वामी से कहा—'मुझे अमुक-अमुक दो घोड़े प्रदान करें। अश्वस्वामी ने कहा—'इन दो घोड़ों के अतिरिक्त तुम सारे घोड़े ले लो।' अश्वरक्षक ने अस्वीकार कर दिया। तब अश्वरक्षक ने अपनी पत्नी से कहा—इस अश्वरक्षक को अपना गृह-जामाता बना लो। अन्यथा वह दोनों श्रेष्ठ अश्वों को ले जाएगा। पत्नी ऐसा नहीं चाहती थी। व्यापारी ने पत्नी को समझाया कि इन लक्षण सम्पन्न अश्वों से अन्य अनेक अश्वों को पैदा किया जा सकता है। अश्वस्वामी ने एक दृष्टान्त सुनाते हुए कहा—'एक वर्धकि था। वह अपने मामा के घर गया। मामा ने अपनी पुत्री की शादी उसके साथ कर दी और उसे घर-जंवाई के रूप में रख लिया। वह कुछ काम नहीं करता था। भार्या द्वारा प्रेरित होने पर प्रतिदिन जंगल जाता पर खाली हाथ लौट आता था। छह महीने बीत गए। एक दिन उसे एक विशिष्ट काठ मिला। उसने उस काठ का एक कुलक (धान्य मापने का साधन) बना दिया। उसने भार्या को वह कुलक दिया और एक लाख रुपए में बेचने को कहा। उस कुलक का गुण बताते हुए उसने कहा कि इस कुलक द्वारा धान्य मापकर दिए जाने पर वह कभी समाप्त नहीं होता। एक सेठ ने उसे अपने पास रखा और स्वर्ण मुद्राओं से डलिया भरकर उस कुलक से लाख मुद्राएं दीं। डलिया वापिस लाख मुद्राओं से भर गयी। सेठ ने अत्यधिक सत्कार और सम्मान करके उसे वापिस भेज दिया। वह अक्षयनिधि वाला हो गया।
इस दृष्टान्त को सुनकर भार्या ने अपने पति की सलाह को स्वीकार कर लिया। अश्वस्वामी ने उस व्यक्ति के साथ अपनी पुत्री का विवाह कर दिया।
१९६. ग्रन्थि ( बुद्धि-परीक्षा )
पाटलिपुत्र में मुरुण्ड नामक राजा राज्य करता था। वहां आचार्य पादलिप्त विराज रहे थे। राजा की परीक्षा करने के लिए विदेशी राज्य के कुछ बुद्धिमान् व्यक्तियों ने तीन वस्तुएं भेजीं—'१. गूढ सूत्र २. सम-यष्टि और ३. चारों ओर से समान मंजूषा, जिसका मुख दिखाई नहीं दे। उन्होंने कहलवाया कि हम जानना चाहते हैं कि सूत्र का अग्राग्र कहां है? यष्टि का मूल भाग कौनसा है? तथा मंजूषा का द्वार कहां है? राजा ने अनेक व्यक्तियों को वे वस्तुएं दिखाई और उनका समाधान पूछा पर कोई भी रहस्य नहीं बता सका। तब राजा ने पादलिप्त आचार्य को बुलाकर पूछा—'भगवन्! क्या आप इन प्रश्नों का समाधान जानते हैं?' आचार्य ने कहा—'हां, जानता हूं।'
आचार्य ने सूत्र को गरम पानी में डलवाया। उस पर लगा हुआ मोम पिघल गया। सूत्र का अग्र एवं अंत भाग पकड़ में आ गया। आचार्य जानते थे कि लकड़ी का मूल भाग भारी होता है। उन्होंने यष्टि को पानी में डलवाया। उसका गुरु भाग नीचे चला गया, जिससे यष्टि का मूल भाग ज्ञात हो गया।
मंजूषा पर लाख लगाया हुआ था अत: उसको गरम पानी में डाला। लाख पिघलने से मंजूषा का द्वार प्रगट हो गया। तीनों प्रश्नों का समाधान हो गया। मुरुण्ड राजा ने आचार्य को भी कुछ दुर्विज्ञेय कौतुक करने का निवेदन कियां। आचार्य ने विदेशी बुद्धिमान् व्यक्तियों की परीक्षा के लिए ऊंट के चर्म का एक थैला बनवाया। उसमें रत्न रखकर उस चर्ममय थेले! को सीवनी से सीकर उसको राल के रस से सांध दिया। राजा ने उन व्यक्तियों को कहलवाया कि इस थैले को तोड़े बिना रत्नों को निकाल लें। उन्होंने दूत के साथ थैला भेज दिया। उन व्यक्तियों ने प्रयत्न किया पर वे रत्न नहीं निकाल सके।
१९७. औषध ( शतसहस्रवेधी विष )
एक नगर के राजा को यह ज्ञात हुआ कि शत्रु राजा नगर को घेरने के लिए सेना के साथ आ रहा है। राजा ने पानी के सारे साधनों को नष्ट करने के लिए पानी में विष डालने की योजना बनाई। उसने विष-वैद्यों को आमंत्रित किया। एक वैद्य चने जितना विष लेकर आया। यह देख राजा रुष्ट हो गया। वैद्य बोला—'राजन्! यह शतसहस्रवेधी विष है। इससे लाखों-लाखों प्राणी मारे जा सकते हैं।' राजा ने पूछा—'इसका प्रमाण क्या है?' वैद्य बोला—'राजन्! कोई वृद्ध हाथी मंगाएं।' राजा के आदेश से एक अत्यंत क्षीणकाय हाथी लाया गया। विष-वैद्य ने उसकी पूंछ का एक बाल उखाड़ा और उसी बाल से उसमें विष संचरित कर दिया। उस विपन्न हाथी में वह विष फैलता हुआ दिखाई दिया और पूरा हाथी विषमय हो गया। वैद्य बोला—'इस विष से यह हाथी भी विषमय हो गया है। जो व्यक्ति इसे खाएगा, वह भी विषमय हो जाएगा। यह इस विष का शतसहस्रवेधी होने का प्रमाण है।' राजा ने पुन: पूछा—'क्या विष-प्रतिकार का भी कोई उपाय है?' वैद्य बोला—'हां, है।' वैद्य ने उसी बाल से वहीं एक औषधि का प्रक्षेप किया। हाथी स्वस्थ होकर चलने लगा। राजा वैद्य की वैनयिकी बुद्धि से प्रसन्न हो गया।
१९८. रथिक और गणिका
पाटलिपुत्र नगर में कोशा और उपकोशा नाम की दो गणिकाएं रहती थीं। कोशा गणिका के साथ स्थूलिभद्र रहते थे। कालान्तर में वे विरक्त होकर प्रव्रजित हो गये। उन्होंने कोशा के निवासस्थान पर ही वर्षारात्र बिताया। उस समय कोशा श्राविका बन गई और अब्रह्मचर्य सेवन का प्रत्याख्यान कर लिया। राजनियोग (राजाज्ञा) का उसने अपवाद रखा।
सुलस नामक रथिक ने राजा को सेवा द्वारा प्रसन्न कर लिया। उसने राजा से कोशा गणिका का सहवास मांगा। राजा ने उसे आज्ञा दे दी। रथिक कोशा की चित्रशाला में गया। कोशा उसके समक्ष बार-बार स्थूलिभद्रस्वामी का गुणग्राम करती रही। उसने रथिक को स्वामी के रूप में स्वीकार नहीं किया। रथिक अपना कौशल दिखाने की इच्छा से कोशा को अशोकवाटिका में ले गया। रथिक ने भूमि पर खड़े होकर बाण चलाया और उससे आम्रपिंडी को बींध डाला। फिर बाण चलाते-चलाते वह एक दूसरे बाण को पिछले हिस्से से जोड़ता चला गया। आखिरी बाण हाथ के समीप आ गया। उसको अर्द्वचन्द्र शस्त्र से छिन्न कर आम्रपिंडी को हस्तगत कर लिया। इस कौशल से भी कोशा संतुष्ट नहीं हुई। वह बोली—'अभ्यास से क्या दुष्कर है? अब तुम मेरा कौशल देखो।
कोशा ने सर्षप के ढेर पर सूई के अग्रभाग से कणेर के फूलों को पिरोया। फिर सूई के अग्रभाग पर नृत्य किया। रथिक ने उसके कौशल की बहुत प्रशंसा की। कोशा ने समझाते हुए कहा—
न दुक्करं तोडिय अंबलुंबिया, न दुक्करं सरिसवनच्चियाइं।
तं दुक्करं तं च महाणुभावं,जं सो मुणी पमयवणम्मि वुच्छो।।
अर्थात् शिक्षित व्यक्ति के लिए आम्रलुम्बी को तोड़ना दुष्कर नहीं है तथा सर्षप राशि पर नृत्य करना भी दुष्कर नहीं है। दुष्कर है मुनि स्थूलिभद्र की महान् शक्ति का प्रयोग, जो प्रमदवन में रहकर निर्लिप्त रहा। यह कहकर कोशा ने मुनि स्थूलिभद्र का पूर्व वृत्तान्त सुनाया। कोशा की वैनयिकी बुद्धि से रथिक उपशान्त हो गया और श्रावक बन गया।
१९९. गीली साड़ी
एक कलाचार्य ने राजपुत्रों को शिक्षित किया। राजकुमारों ने उसे प्रचुर धन दिया। राजा को यह ज्ञात हुआ। वह धन का लोभी था अत: धन की प्राप्ति के लिए उसने कलाचार्य को मार डालना चाहा। राजपुत्रों को यह बात ज्ञात हो गयी। उन्होंने सोचा—'कलाचार्य ने हमें विद्या का दान दिया है अत: हमें इनको बचाना चाहिए।' एक दिन जब वह भोजन करने आया तब स्नान से निवृत्त होकर उसने धोती मांगी। राजपुत्रों ने सूखी धोती के लिए भी यह कहा—'अहो! यह धोती गीली है, इसलिए नहीं दी जा सकती।' द्वार के सम्मुख तृण रखकर कहा—'अहो! यह तृण बहुत लंबा है।' भोजन से पूर्व क्रौंचपक्षी को प्रदक्षिणा कराई जाती थी। उस दिन बिना प्रदक्षिणा किए उसे उतारा गया।
कलाचार्य इन संकेतों को समझ गए। गीली धोती का संकेत है कि राजा उसके प्रति विरक्त हो गया है। दीर्घतृण के संकेत से कुमारों ने भक्तिपूर्वक मुझे लम्बे रास्ते से जाने की ओर संकेत किया है। क्रौंचपक्षी के संकेत से वे कहना चाहते हैं कि मेरा यहां संहार होने वाला है अत: शीघ्र चला जाऊं। संकेत को समझकर कलाचार्य वहां से चला गया।
२००. नीव्रोदक (नेवे का पानी)
एक वणिक् स्त्री का पति परदेश गया हुआ था। चिरकाल तक वह नहीं लौटा। उसने दासी से अपनी यथार्थ दशा बताते हुए कहा—'जाओ, किसी सुंदर युवापुरुष को ले आओ।' दासी गई और एक व्यक्ति को ले आई। नाई से उसके नख कटवाए, स्नान करवाया। रात्रि में वह उसे शयनगृह में ले गई और खाना खिलाया। वह प्यास से आकुल हो रहा था।
उस महिला ने उसे वर्षा से टपकते हुए नेवे का पानी पिला दिया। वह जल त्वक् विष वाले सर्प से संसृष्ट था। पानी पीते ही वह पुरुष मर गया। दासी ने उसे शून्य देवकुल में ले जाकर छोड़ दिया। प्रात:काल दंडरक्षकों ने उसे देखा। नव संस्कारित नखों को देखकर उन्होंने नापित वर्ग से पूछा—'इसके नख किसने काटे हैं?' एक नापित बोला—'अमुक सेठानी की दासी के कहने पर मैंने काटे हैं।' पहले दासी ने इंकार कर दिया लेकिन पीटे जाने पर उसने यथार्थ बात बता दी। वणिक् स्त्री से पूछने पर उसने नीव्रोदक पिलाने की बात कही। राजपुरुषों ने नेवे के पानी का परीक्षण किया। उन्होंने छप्पर पर त्वक् विष वाला सर्प देखा। दंडरक्षकों की वैनयिकी बुद्धि से यह खोज संभव हो सकी।
२०१. बैल, अश्व और वृक्ष से पतन
किसी गांव में एक हतभाग्य पुरुष रहता था। वह जो कुछ करता, वह विपरीत हो जाता। एक बार मित्र से याचित बैलों से उसने हल चलाया। एक दिन उसने विकाल वेला में बैलों को लाकर उस मित्र के बाड़े में छोड़ दिया। उस समय मित्र खाना खा रहा था। शर्म के कारण वह उसके पास नहीं गया।
'मित्र ने बैलों को देख लिया है' यह सोचकर वह अपने घर चला गया। असावधानी के कारण वे दोनों बैल बाड़े से निकलकर कहीं अन्यत्र चले गए। चोरों ने उनका अपहरण कर लिया। मित्र ने अपने हतभाग्य मित्र से बैल मांगे। बैल न देने के कारण वह उसे राजकुल में ले गया।
जब वह मार्ग से जा रहा था तब रास्ते में उसे एक अश्वारोही मिला घोड़े ने उसे गिरा दिया और भागने लगा। अश्वारोही बोला—'अश्व भाग रहा है अत: इसको एक डंडा लगाओ।' हतभाग्य पुरुष ने अश्व के मर्मस्थल पर प्रहार किया! एक ही प्रहार से अश्व मर गया। उसने भी उस हतभाग्य पुरुष को राजकुल में चलने के लिए कहा।
चलते-चलते विकाल-बेला आ गयी अत: वे नगर के बाह्य भाग में ठहर गए। वहां वृक्ष के नीचे अनेक नट सोए हुए थे। हतभाग्य ने सोचा—'राजकुल में मुझे जीवन भर कारागृह में डाल दिया जाएगा अत: अच्छा यही होगा कि मैं फांसी लगाकर मर जाऊं। वह वृक्ष पर चढ़ा और एक कपड़े को गले में बांधकर लटक गया। वस्त्र जीर्ण था अत: फट गया। हतभाग्य पुरुष नीचे गिरा, वहां नटों का सरदार सो रहा था। उसके भार से नट के सरदार का गला दब गया और वह मर गया। उन्होंने भी उसे बंदी बना लिया।
राजकुल पहुंचकर तीनों ने अपनी-अपनी बात कही। अमात्यकुमार ने जब हतभाग्य पुरुष से पूछा तो उसने कहा—'ये सभी सत्य कह रहे हैं।' साथ ही उसने यथार्थ स्थिति भी बता दी। अमात्यकुमार को उस पर दया आ गई। उसने फैसला करते हुए बैल के स्वामी से कहा—'यह तुम्हें दो बैल देगा पर तुम्हारी दोनों आंखें निकाल लेगा क्योंकि तुमने अपनी आंखों से बाड़े में बैलों को देख लिया था।' अश्वारोही को बुलाकर अमात्यकुमार ने कहा—'यह तुम्हें अश्व देगा पर तुम्हारी जीभ काट ली जाएगी क्योंकि तुमने स्वयं अपनी जीभ से इसे अश्व को डंडा मारने को कहा था।' नटों को बुलाकर कहा—'यह वृक्ष के नीचे सो जाएगा। तुममें जो मुखिया है, वह वृक्ष पर चढ़कर फांसी का फंदा लगाकर नीचे गिरे।' अमात्यकुमार का न्याय सुनकर सभी ने उसे मुक्त कर दिया।
कार्मिकी बुद्धि का दृष्टान्त
२०२. किसान की कला
एक बार एक चोर ने किसी सेठ के यहां पद्म के आकार की सेंध लगाई। प्रात:काल लोगों ने चोर के कला-चातुर्य की प्रशंसा की। वह चोर भी लोगों की प्रशंसा सुनने वहां आया। लोगों की प्रशंसा सुनकर एक किसान बोला—'अभ्यास कर लेने पर कुछ भी दुष्कर नहीं होता।' चोर ने जब यह बात सुनी तो आग-बबूला हो गया। चोर ने लोगों से उसका परिचय पूछा। एक दिन उसको खेत में खड़ां देखकर वह उसके पास आया और बोला—'मैं तुम्हें अभी अपनी छुरी से मारता हूं।' किसान ने इसका कारण पूछा तो चोर बोला—'उस दिन तुमने मेरे द्वारा लगाई गयी सेंध की प्रशंसा नहीं की थी।' उसकी बात सुनकर किसान बोला—'मैंने ठीक ही तो कहा था कि जो जिस विषय का अभ्यास कर लेता है, वह उसमें प्रकर्ष प्राप्त कर लेता है। तुम मेरा कौशल देखो।' किसान ने भूमि पर एक वस्त्र बिछाया और मुट्ठी में मुंग लेकर बोला—'यदि तुम कहो तो मैं इन सबको अधोमुख गिरा दूं, यदि कहो तो ऊर्ध्वमुख या तिरछा गिरा दूं। चोर के कहने पर उसने मूंगों को अधोमुख गिराया। तस्कर बहुत विस्मित और प्रसन्न हुआ और उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उसका क्रोध उपशान्त हो गया। पद्माकार सेंध लगाना चोर की तथा मूंग को अधोमुख गिराना किसान की कर्मजा बुद्धि थी।
पारिणामिकी बुद्धि की कथाएं
२०३. अभयकुमार की बुद्धि
एक बार उज्जयिनी के राजा चंडप्रद्योत की सेना ने राजगृह नगरी को घेर लिया। गुप्तचरों द्वारा प्रात सूचना के आधार पर चंडप्रद्योत के आने से पूर्व अभयकुमार ने सेना के पड़ावस्थल पर प्रचुर धन गड़वा दिया। चंडप्रद्योत के आने पर अभयकुमार बोला—'मैं आपके हित की बात बताना चाहता हूं क्योंकि मेरे लिए आपमें और पिताजी में कोई अंतर नहीं है।' चंडप्रद्योत के पूछने पर अभयकुमार बोला—'पिताजी ने सेनापति सहित आपकी पूरी सेना को रिश्वत देकर अपने वश में कर लिया है। यदि विश्वास न हो तो गड़ा हुआ धन देख लो।' अभयकुमार ने गड़ा हुआ धन दिखाया। अभयकुमार की बात का विश्वास होने पर भयभीत होकर प्रद्योत थोड़े से सैनिकों के साथ वहां से भाग गया। अभयकुमार ने गड़ा हुआ सारा धन पुन: निकाल लिया। राजा के बिना सेनापति भी सेना सहित पुन: उज्जयिनी लौट गया। यह अभयकुमार की पारिणामिकी बुद्धि थी।
कुछ आचार्य इस कथा को इस रूप में स्वीकार करते हैं—वास्तविक स्थिति का ज्ञान होने पर राजा चंडप्रद्योत अत्यंत कुपित हुआ। उसने घोषणा करवाई कि जो अभयकुमार को पकड़कर लाएगा, उसको बड़ा ईनाम दिया जाएगा। एक वेश्या ने यह बात स्वीकार की। वह कपट श्राविका बनकर राजगृह नगरी में गयी। अभयकुमार उसके धार्मिक क्रिया-कलाप से अत्यंत प्रभावित हुआ। एक बार उसने अभयकुमार को अपने यहां भोजन के लिए निमंत्रण दिया। श्राविका समझकर अभयकुमार उसके घर भोजन करने गया। वेश्या ने भोजन में मादक पदार्थ मिला दिए, जिसे खाते ही अभयकुमार मूर्च्छित हो गया। कपटपूर्वक वेश्या अभयकुमार को रथ में चढ़ाकर उज्जयिनी ले गयी और राजा के समक्ष उपस्थित किया।
चंडप्रद्योत बोला—'तुमने मुझे धोखा दिया इसलिए मैंने भी कपटपूर्वक तुमको पकड़वा कर यहां मंगवा लिया है।' अभयकुमार ने वरदान मांगा—'मैं अग्नि में प्रवेश करना चाहता हूं।' राजा ने उसे मुक्त कर दिया, तब अभयकुमार बोला—'जिस प्रकार आप मुझे छलपूर्वक यहां लाए हैं, वैसे ही दिन में चिल्लाते हुए मैं आपको राजगृह नगर के मध्य से ले जाऊंगा।'
अभयकुमार ने राजगृह में जाकर एक दास को पागल का अभिनय सिखा दिया। उसका नाम प्रद्योत रख दिया। अभयकुमार बनिए का रूप बनाकर उज्जयिनी गया। वह सुंदर गणिकाओं एवं दास को भी अपने साथ ले गया। वह उज्जयिनी के बाजार में एक मकान किराए पर लेकर रहने लगा। चंडप्रद्योत जब उस मार्ग से आता-जाता तब वे वेश्याएं गवाक्ष में बैठकर हाव-भाव दिखाती थीं। चंडप्रद्योत उनके प्रति अनुरक्त हो गया और अपनी दासी के साथ प्रणय-प्रस्ताव भेजा। एक दो बार अस्वीकार करके तीसरी बार गणिकाओं ने प्रद्योत को अपने घर आने का निमंत्रण दे दिया।
वह दास प्रतिदिन बाजार में पागल का अभिनय करता कि मैं प्रद्योत हूं, मुझे जबरदस्ती पकड़कर ले जाया जा रहा है। आठ दिन तक यही क्रम चलता रहा। निर्धारित दिन प्रद्योत गणिका के यहां आया। चंडप्रद्योत एक पलंग पर लेट गया। इतने में ही अभयकुमार के सैनिकों ने उसे पकड़कर बांध दिया। सैनिक उसको बांधकर मुंह ढंककर बीच बाजार में से लेकर चले। प्रद्योत चिल्ला रहा था—'मैं राजा प्रद्योत हूं, मुझे जबरदस्ती पकड़कर ले जा रहे हैं अत: मुझे कोई बचाओ। लोग इस चिल्लाहट को सुनने के आदी हो गए थे अत: किसी ने ध्यान नहीं दिया।' उसे बंदी बनाकर अभयकुमार ने श्रेणिक को सौंप दिया। यह अभयकुमार की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२०४. श्रेष्ठी
एक नगर में काष्ठ नामक श्रेष्ठी रहता था। उसकी भार्या का नाम वज्रा था। देवशर्मा नामक ब्राह्मण उसके घर पर प्रतिदिन काम करने आता था। एक बार श्रेष्ठी परदेश चला गया। सेठानी उस देवशर्मा में अनुरक्त हो गई। दोनों का संपर्क बढ़ा। सेठ के घर में तीन पक्षी थे—तोता, मैना और मुर्गा। सेठ उन तीनों को शयनकक्ष में रख कर गया था। वह ब्राह्मण रात्रि में वहां आता था। उसको सेठानी के साथ देखकर मैना ने तोते से कहा—'पिता से कौन नहीं डरता?' तोते ने उसे टोकते हुए कहा—'ऐसा मत कहो। जो मां का पति है, वही हमारा पिता है।' वह मैना ब्राह्मण की दुष्प्रवृत्ति को सहन नहीं कर सकी और ब्राह्मण पर आक्रुष्ट हो गई। सेठानी ने उसे मार डाला पर तोते को नहीं मारा।
एक बार दो मुनि उस घर में भिक्षा के लिए आए। मुर्गे को देखकर एक साधु ने दिशा का अवलोकन किया और बोला—'जो इस मुर्गे का सिर खाएगा, वह राजा बनेगा।' यह कथन उस ब्राह्मण ने सुन लिया। उसने सेठानी से कहा—'इस मुर्गे को मार कर पकाओ। मैं आज इसका मांस खाऊंगा।' वह , बोली—'दूसरा मूर्गा ले आती हूं। पुत्र की भांति पालित-पोषित इस मुर्गे को नष्ट मत करो।' वह आग्रह करने लगा तब सेठानी ने उस मुर्गे को मार कर पकाया। वह ब्राह्मण स्नान करने गया। इतने में ही सेठानी का पुत्र पाठशाला से आ गया। मुर्गे का मांस पककर तैयार हो गया था। वह भूख से रोने लगा। वज्रा ने तब मुर्गे के सिर वाला मांस उसे परोस दिया। इतने में ही ब्राह्मण स्नान से निवृत्त होकर आ गया और भोजन करने बैठा। वज्रा ने थाली में मांस परोसा। वह मुर्गे के सिर वाला मांस मांगने लगा। वज्रा बोली—'वह मांस तो मैंने बच्चे को दे दिया।' ब्राह्मण रुष्ट हो गया। उसने सोचा, मैंने राजा बनने के लिए मुर्गे को मरवाया था। अब यदि मैं इस बालक का सिर खा लूं तो भी राजा बन जाऊंगा। वज्रा और ब्राह्मण—दोनों ने इस मानसिक संकल्प को पूरा करने का निश्चय कर डाला।
घर की दासी ने उनके चिंतन को जान लिया। वह बालक के साथ वहां से भागकर अन्यत्र चली गई। वह उस नगर में पहुंची, जहां का राजा नि:संतान था। वह मर गया। दासी उसी बालक के साथ गांव के बाहर बैठ गयी। नगर के मंत्रियों ने अश्व को अभिषिक्त करके छोड़ा। उस बालक के पास आकर वह अश्व हिनहिनाया। बालक की परीक्षा की गई। वह राजा बन गया।
काष्ठ श्रेष्ठी परदेश से घर लौटा। उसने अपने घर को खंडहर-सा देखा। उसने व्रजा से पूछा पर वह मौन रही। तोते को पंजरमुक्त कर उसने घर का हालचाल पूछा। भय के कारण वह कुछ बोल नहीं सका। श्रेष्ठी ने आश्वस्त किया तब तोते ने ब्राह्मण के साथ वज्रा के सबंध की सारी कथा सुनाई। सेठ ने सारी बात जान ली। उसने सोचा, संसार का व्यवहार विचित्र है। मैंने इस वज्रा के लिए इतने कष्ट सहन किए लेकिन इसने इस प्रकार नीचता की है। वह विरक्त होकर प्रव्रजित हो गया।
वज्रा और ब्राहमण—'दोनों वहां से चलकर उसी नगर में पहुंचे, जहां पर वह बालक राजा बना था। मुनि के रूप में काष्ठ श्रेष्ठी भी विहार करते—करते उसी नगर में पहुंचे। वज्रा ने उन्हें पहचान लिया और छलपूर्वक भिक्षा के साथ स्वर्ण भी दे दिया। फिर उसने शोर मचाया कि यह मुनि मेरा सोना लेकर जा रहा है। आरक्षकों ने मुनि को पकड़ कर राजा के समक्ष उपस्थित किया। राजा ने मुनि को शूली की सजा सुनाई। उस धायमाता दासी को जब यह ज्ञात हुआ तो उसने सजा को वस्तुस्थिति बताते हुए कहा—'ये आपके पिता हैं।' राजा ने वज्रा और ब्राह्मण को देश से निर्वासित करने का आदेश दे दिया।
राजा ने पिता को भोग के लिए निमंत्रित किया लेकिन मुनि ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने राजा को श्रावक बना दिया। वर्षावास पूर्ण हो गया। मुनि वहां से विहार कर गए। मुनि का अपयश कैसे हो, यह सोचकर उस ब्राह्मण ने एक वेश्या को नियुक्त किया। उसने कुलटा का रूप धारण किया। वह गर्भवती थी। उसने विहार कर रहे मुनि को पकड़कर यह बात कही कि यह गर्भ तुम्हारा है, अब कहां जा रहे हो? प्रवचन (जैन शासन) की अवहेलना न हो इसलिए मुनि ने लोगों के समक्ष कहा—'यदि यह गर्भ मेरा हो तो वह योनि से बाहर निकले और यदि यह मेरा न हो तो इसके पेट को फाड़कर निकले।' इतना कहते ही उस स्त्री का पेट फट गया। वह मर गई। प्रवचन और मुनि की बहुत अधिक प्रभावना हुई।
२०५. कुमार
एक राजकुमार को लडू खाने का बहुत शौक था। एक बार वह मोदक के भंडार में चला गया। वहां अपनी स्त्रियों के साथ उसने जी भरकर लड्डू खाए। अत्यधिक लड्डू खाने से उसको अजीर्ण रोग हो गया तथा अपान वायु भी दूषित हो गयी।
राजकुमार ने चिंतन किया—'अहो! यह शरीर कैसा अशुचिमय है। इस प्रकार के सुगंधित और मनोहर धान्य के कण भी शरीर के सम्पर्क से दुर्गन्धयुक्त हो गए। अशुचिमय इस शरीर को धिक्कार है। शरीर के प्रति होने वाले इस मोह को धिक्कार है।'
२०६. देवी
पुष्पभद्र नगर में पुष्पसेन राजा राज्य करता था। उसकी रानी का नाम पुष्पवती था। उसके दो सन्तानें थीं-पुष्पचूल और पुष्पचूला। दोनों भाई—'बहिन परस्पर अनुरक्त हो गए और पति-पत्नी की भाति भोग भोगने लगे। यह देख राजा ने उन दोनों की शादी कर दी। रानी पुष्पवती विरक्त होकर प्रव्रजित हो गई। वह देवलोक में देवरूप में उत्पन्न हुई। उसने सोचा, यदि ये दोनों इसी रूप में मृत्यु को प्राप्त होंगे तो निश्चित ही नरक या तिर्यञ्च में उत्पन्न होंगे। उन्हें दुर्गति से बचाने के लिए देवी ने स्वप्न में उनको नैरयिकों के दृश्य दिखाए। पुष्पचूला ने स्वप्न से भयभीत होकर किसी अन्य दार्शनिकों से नारकों के बारे में पूछा। पर वे इस बारे में कुछ नहीं बता सके। उस समय वहां आचार्य अन्निकापुत्र आए। उन्हें बुलाकर उसने नरक के विषय में पूछा। उन्होंने सूत्र बताते हुए नरक का वर्णन किया। पुष्पचूला बोली—'क्या आपने भी स्वप्न में नरक देखा है?' आचार्य बोले—'सूत्र में हमने ऐसा नरक का वर्णन देखा है।' देवता ने पुन: स्वप्न में पुष्पचूला को देवलोक के दृश्य दिखाए। उसने आचार्य अन्निकापुत्र से देवलोक को बात कही। आचार्य ने सूत्र से उसके स्वप्न का समर्थन किया। वह विरक्त होकर प्रव्रजित हो गई। थोड़े समय में घातिकर्मों का क्षय कर उसने मोक्ष प्राप्त कर लिया। यह पुष्पवती देवी की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२०७. उदितोदय
पुरिमताल नगर में उदितोदय राजा राज्य करता था। उसको रानी का नाम श्रीकान्ता था। वे दोनों श्रावक थे। एक बार श्रीकान्ता ने एक परिव्राजका को वाद में पराजित कर दिया। दासियों ने उसे विडंबित कर वहां से निकाल दिया। उसके मन में राजा और रानी के प्रति प्रद्वेष हो गया। वह प्रतिशोध लेने के लिए वाराणसी नगरी के राजा धर्मरुचि के यहां गई। उसने फलक पर महारानी श्रीकान्ता की प्रतिकृति चित्रित कर राजा को दिखाई। वह उसके प्रति आसक्त हो गया। उसने पुरिमताल नगर में राजा के पास दूत भेजा और श्रीकान्ता की मांग की। उदितोदय राजा ने दूत को प्रतिहत और अपमानित कर नगर से निकाल दिया। महाराजा धर्मरुचि तब पुरिमताल पर आक्रमण करने के लिए ससैन्य आ पहुंचा। उसने नगर को चारों ओर से घेर लिया। महाराजा उदितोदय ने सोचा—'इतने बड़े जनक्षय से क्या प्रयोजन?' उसने बेले के तप द्वारा देव वैश्रमण की आराधना की। देव उपस्थित हुआ। राजा ने अपनी भावना उसके सामने रखी। देव ने राजा की भावना को जानकर राजा सहित पुरिमताल नगर का संहरण कर उसे दूसरे स्थान पर रख दिया। प्रात:काल नगर को न देख महाराज धर्मरुचि को खाली हाथ वाराणसी लौटना पड़ा। भीषण जनसंहार होने से बच गया। यह उदितोदय राजा की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२०८. साधु और नंदिषेण
नंदिषेण महाराज श्रेणिक का पुत्र था। उसका अनेक लावण्यवती कन्याओं के साथ विवाह हुआ। एक बार विरक्त होकर वह भगवान् महावीर के पास मुनि बन गया। उसका एक शिष्य संयम को छोड़कर गृहवास में जाने के लिए उत्सुक हो गया। नंदिषेण ने सोचा—'यदि भगवान् महावीर राजगृह में समवसृत हों तो अस्थिर मुनि रानियों को तथा अन्य अतिशायी वस्तुओं को देखकर स्थिर हो सकता है।' यह सोचकर नंदिषेण राजगृह गए। भगवान् भी वहां पधार गए। महाराज श्रेणिक अपने अन्त:पुर के साथ भगवान् के दर्शन करने निकला। अन्य कुमार भी अपने-अपने अन्त:पुर के साथ प्रस्थित हुए। नंदिषेण का अन्त:पुर श्वेत परिधान में था। वह पद्मसरोवर के मध्य हंसिनियों की भांति अत्यंत शोभित हो रहा था। सभी रानियां सुअलंकृत थीं। वे अन्यान्य अन्त:पुर की रानियों की शोभा को हरण कर रहीं थीं। अस्थिरमना मुनि ने उन्हें देखकर सोचा—'मेरे पूज्य आचार्य नंदिषेण ने इतना सुंदर अन्त:पुर छोड़ा है। हतभाग्य मैंने तो ऐसा कुछ भी नहीं छोड़ा है फिर मैं भोग के लिए गृहवास में क्यों जाऊं? यह चिंतन कर वह निर्वेद को प्राप्त हुआ और आलोचन-प्रतिक्रमण कर संयम में स्थिर हो गया।' यह नंदिषेण और साधु दोनों की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२०९. धनदत्त
धनदत्त सुंसुमा का पिता था। चोर सुंसुमा का अपहरण कर पलायन करता हुआ उसका सिर काटकर ले गया, धड़ को वहीं फेंक दिया। चोर का पीछा करने वाले पिता-पुत्र भूख से व्याकुल हो गए। तब सोचा—'सुंसुमा के धड़ के मांस को खाकर भूख मिटाएं, अन्यथा बीच में ही मर जायेंगे।' कथा के विस्तार हेतु देखें चिलातक और सुंसुमा कथा सं. ११५।
२१०. श्रावक
एक श्रावक के परस्त्रीगमन का प्रत्याख्यान था। संयोगवश वह एक दिन अपनी पत्नी की सखी पर आसक्त हो गया। आग्रहपूर्वक पूछने पर पत्नी को यथार्थ बात का ज्ञान हुआ। उसने सोचा कि यदि ये इस आर्त्तध्यान अध्यवसाय में मृत्यु को प्राप्त होंगे तो नरंक अथवा तिर्यञ्च गति में उत्पन्न होंगे। वह पति को आश्वस्त कर अपनी सखी के वस्त्राभूषणों से सज्जित होकर वहां आई। उसने उसे अपनी पत्नी की सखी समझकर कामनापूर्ति की। प्रात:काल उसे प्रत्याख्यान की बात याद आई। वह ग्लानि से भर गया। उसमें संवेग जागा। तब पत्नी ने यथार्थ बात बताकर उसे आश्वस्त कर दिया। आचार्य के पास जाकर दोषों की आलोचना करके वह शुद्ध हो गया। यह उसकी पत्नी को पारिणामिकी बुद्धि थी।
२११. अमात्य (अ)
ब्रह्दत्त को लाक्षागृह में जलाकर मारने का षड्यंत्र रचा गया। वरधनु के पिता अमात्य थे। उन्होंने लाक्षागृह बनाने की बात सुनकर सोचा—'ब्रह्मदत्त कुमार इसमें जलकर मर न जाए, उसकी किसी भी प्रकार से रक्षा करनी चाहिए।' तब उन्होने सुरंग खुदवाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल दिया। ब्रह्मदत्त वहां से पलायन कर गया। विस्तार हेतु देखें निर्युक्ति पंचक परि. ६ पृ. ५८३, ५८४।
अमात्य (ब)
एक राजा को अपनी पत्नी से बहुत प्रेम था। एक दिन वह अचानक कालगत हो गई। उसकी मौत से राजा मूढ़ हो गया। वह रानी के वियोग से दु:खी होकर अपने शरीर की सार-संभाल नहीं करता था। मंत्रियों ने निवेदन किया—'राजन्! यही संसार की स्थिति है, इसमें आप क्या कर सकते हैं?' राजा बोला—'जब तक रानी अपने शरीर की सार-संभाल नहीं करेगी तब तक मैं भी कुछ नहीं करूंगा।' मंत्रियों ने सोचा—'राजा के मोह के आगे दूसरा कोई उपाय नहीं है।'
कुछ सोचकर मंत्रियों ने राजा से कहा—'राजन्! देवी स्वर्ग चली गयी है। आप जो कुछ भेजना चाहें वह वहीं भेज देवें। जब आपको देवी की शरीर-स्थिति का संवाद ज्ञात हो जाए तब आप भी अपने शरीर की सार-संभाल कर लेना।' राजा ने यह बात स्वीकार कर ली। मंत्री ने एक व्यक्ति को वहां भेजने का माया जाल रचा। वह व्यक्ति आकर राजा से बोला—'देवी ने अपने शरीर को सार-संभाल करके उसे सज्जित कर लिया है।' इस प्रकार वह प्रतिदिन देवी के संवाद राजा को बताता रहा। समय बीतने लगा। देवी को भेजने के बहाने मोह से राजा उसके कपड़े तथा कटिसूत्र आदि चबाने लगा। एक व्यक्ति ने सोचा—'मैं भी इन्हें खाऊं।' वह कटिसूत्र आदि खाता हुआ राजा के पास गया। राजा ने पूछा—'तुम कहां से आए हो?' वह व्यक्ति बोला—'स्वर्ग से।' राजा ने पूछा—'क्या वहां तुमने देवी को देखा?' वह व्यक्ति बोला—'देवी ने ही मुझे कटिसूत्र आदि लाने के लिए भेजा है।' राजा ने उसे कटिसूत्र आदि दिखाए। वह बोला—'ये रानी की इच्छा के अनुकूल नहीं हैं।' राजा ने पूछा—'तुम स्वर्ग कब जाओगे?' वह व्यक्ति बोला—'कल जाऊंगा।' राजा ने कहा—'कल तुमको सब आभूषण मिल जाएंगे।' राजा ने मंत्री को कटिसूत्र आदि शीघ्र संपादित करने को कहा। मंत्री ने सोचा—'हमारी योजना विनष्ट हो गई, इस प्रकार तो यह व्यक्ति सदा राजा को ठगता रहेगा। अब क्या उपाय किया जाए यह सोचकर वह विषण्ण हो गया। एक मंत्री ने कहा—'तुम चिंता मत करो मैं समय पर सब ठीक कर दूंगा।' मंत्री ने कटिसूत्र आदि बनवाकर राजा से पूछा—'राजन्! यह देवी के पास कैसे जाएगा?' राजा ने पूछा—'और दूसरे आदमी कैसे जाते हैं?' मंत्री ने कहा—'हम जिनको भेजते हैं वे जल में या अग्नि में प्रवेश करके स्वर्ग पहुंचते हैं। स्वर्ग जाने का और कोई रास्ता नहीं है।' राजा ने कहा—'इस व्यक्ति को भी इसी प्रकार स्वर्ग भेजो।' मंत्रियों ने उस व्यक्ति को वैसे ही जाने का आदेश दिया। यह सुनकर वह दु:खी हो गया। एक वाचाल धूर्त्त्त राजा के समक्ष जाकर उपहास करने लगा। धूर्त्त्त व्यंग्य से उस व्यक्ति को बोला—'देवी को कह देना कि राजा का तुम्हारे ऊपर बहुत स्नेह है और भी कभी कोई कार्य हो तो आदेश दे देना। वह अंट-संट बोलने लगा। वह व्यक्ति बोला—'राजन्! मैं इसके समान धारा-प्रवाह बात करने में असमर्थ हूं अत: आप इसे भेजें, यह अच्छा रहेगा। राजा ने जब यह बात सुनी तो उस वाचाल धूर्त्त्त को भेजने का आदेश दे दिया और पहले वाले को मुक्त कर दिया। उसके पारिवारिक जन दु:खी होकर विलाप करने लगे—'हा देव! अब हम क्या करेंगे?' मंत्री ने कहा—'अपने मुख को वश में करना चाहिए।' उसको तिरस्कृत करके मंत्री ने उसे मुक्त कर किया। उसके स्थान पर किसी अनाथ मृतक को जला दिया।
२१२. क्षपक
एक तपस्वी अपने शिष्य के साथ भिक्षा के लिए घूम रहा था। तपस्वी के पैरों के नीचे आकर एक मेंढकी मर गई। सायं आलोचना के समय तपस्वी ने उसकी आलोचना नहीं की। शिष्य बोला—'मेंढकी मरने की आलोचना करें।' क्षपक ने शिष्य की बात पर ध्यान नहीं दिया। शिष्य ने पुन: याद दिलाया। तपस्वी रुष्ट होकर शिष्य को मारने दौड़ा। वह एक खंभे से टकरा कर वहीं मर गया और एक स्थान में श्रामण्य से भ्रष्ट जीवों के कुल में दृष्टिविष सर्प के रूप में उत्पन्न हुआ। सर्प के भव में उसे जातिस्मृति उत्पन्न हो गयी। पूर्वभव को देखकर उसे सबोध प्राप्त हो गया। मेरे से कोई जीव मर न जाए इसलिए वह रात्रि में बाहर निकलता था। एक बार एक सर्प ने राजा के पुत्र को डस लिया, जिससे राजकुमार मर गया। राजा का सर्पों के प्रति प्रद्वेष हो गया। उसने यह आदेश दिया कि जो कोई सांप को मारकर लाएगा, उसे एक दीनार दी जाएगी। एक बार सर्पगवेषकों ने सर्प की रेखाएं देखीं। वे रेखाओं के सहारे सर्प के बिल तक पहुंचे और उस बिल में अनेक औषधियां डालीं। वे बाहर निकलते हुए सर्पों के सिर काटने लगे। उस दृष्टिविष सर्प को जातिस्मृति थी। उसने सोचा—'मेरे द्वारा कोई मारा न जाए, इसलिए वह मुंह से बाहर न निकल कर पूंछ से बाहर निकलने लगा।' जितना-जितना भाग बाहर निकलता, वे सपेरे उसे काटते रहे। उन्होंने राजा के समक्ष सारे खंड लाकर रखे।
नागदेव ने राजा को प्रतिबोध दिया और वरदान देते हुए कहा—'तुम्हारे पुत्र होगा।' वह क्षपकसर्प मरकर रानी के गर्भ से पुत्ररूप में उत्पन्न हुआ। पुत्र का नाम नागदत्त रखा गया। जब वह पुत्र उत्पन्न हुआ तब एक दिन मुनि को देख उसे जातिस्मृति ज्ञान उत्पन्न हुआ और वह प्रव्रजित हो गया।' उसे भूख बहुत लगती थी। उसने अभिग्रह धारण कर लिया—'मुझे कुपित नहीं होना है।' वह पर्युषित (बासी) भोजन प्राप्त करने के लिए प्रात:काल घूमता था। उस आचार्य के गच्छ में चार तपस्वी संत थे—एकमासिक, दोमासिक, तीनमासिक और चारमासिक। एक बार रात्रि में उसे वंदना करने के लिए देव आया। वह इन चारों तपस्वियों को लांघकर उस क्षुल्लक मुनि को वंदना करने लगा। देवता जब जाने लगा तब तपस्वी ने उसका हाथ पकड़ कर कहा—'हे कटपूतने! इस त्रिकालभोजी मुनि को तुम वंदना करते हो। हम महातपस्वियों को वंदना नहीं करते।' उसने कहा—'मैं भावक्षपक को वंदना करता हूं, द्रव्य क्षपक को नहीं।' यह कहकर देवता चला गया।
दूसरे दिन वह क्षपक बासी भोजन लेने गया। भोजन लेकर उपाश्रय में आकर अन्य साधुओं को निमंत्रित किया। एक तपस्वी ने उसके पात्र में थूक दिया। वह क्षपक बोला—'क्षमा करें, मैं आपके थूकने के लिए श्लेष्म-पात्र नहीं ला सका।' इसी प्रकार शेष तीनों तपस्वियों ने भी उस पात्र में थूक दिया। वह क्षपक अपना लाया हुआ श्लेष्मयुक्त भोजन करने लगा। उन तपस्वियों ने कहा—'तुम कैसे साधु हो जो प्रभात बेला में ही खाने लगे।' इस बात को सुनकर क्षपक निर्वेद को प्रात हुआ। शुभ अध्यवसायों से उसे केवलज्ञान उत्पन्न हो गया। निकटस्थ देवों ने कैवल्य-महोत्सव किया और उन क्षपकों से कहा—'यह भावक्षपक है। तुम लोग प्रतिदिन रोष करते हो अत: द्रव्य क्षपक हो। यह सुनकर पश्चात्ताप और शुभ अध्यवसाय से उन्हें भी कैवल्य उत्पन्न हो गया। पांचों सिद्ध हो गए। नागदत्त मुनि ने प्रतिकूल परिस्थिति में समभाव रखा, यह उनको पारिणामिको बुद्धि थी।
२१३. अमात्य-पुत्र ( वरधनु )
वरधनु अमात्यपुत्र था। अनेक प्रयोजनों पर उसने पारिणामिकी बुद्धि से सफलता प्राप्त की। जैसे उसने कुमार ब्रह्मदत्त को मुक्त करवाकर उसका पलायन करवाया आदि।
२१४. अमात्यपुत्र की परीक्षा
एक मंत्री-पत्र कार्पटिक राजकुमार के साथ घूमता था। एक बार उसे एक नैमित्तिक मिला। एक रात वे देवकुलिका में ठहरे हुए थे। वहां एक सियारिन चिल्ला रही थी। कुमार ने नैमित्तिक से पूछा—'यह क्या कह रही है?' नैमित्तिक बोला—'यह कह रही है कि नदी के घाट पर पानी के प्रवाह से आया हुआ पुराना कलेवर पड़ा है। उसके कटिभाग में सौ पादांक ( मुद्रा विशेष) बंधे हुए हैं। तुम पादांक ग्रहण कर लो और कलेवर मुझे दे दो। मैं उस ढके हुए कलेवर को प्राप्त नहीं कर सकती। कुमार के मन में कुतूहल जागा। वह उनको वहां छोड़कर अकेला नदी के घाट पर गया। कुमार पादांक लेकर आ गया। सियारिन पुन: रोने लगी। कुमार ने पुन: नैमित्तिक से इसका कारण पूछा। नैमित्तिक बोला—'यह व्यर्थ रो रही है।' राजकुमार ने जब कारण पूछा तो नैमित्तिक बोला—'यह कह रही है कि तुम्हें सौ पादांक मिल गए और मुझे कलेवर।' यह सुनकर राजकुमार मौन हो गया।
अमात्यपुत्र ने सोचा—'मैं इसका पराक्रम देखूं कि इसने कायरता से पादांक ग्रहण किए हैं अथवा वीरता से यदि इसने कृपणता से पादांक ग्रहण किए हैं तो इसको राज्य नहीं मिलेगा, यह मेरा निर्णय है। प्रात:काल अमात्यपुत्र बोला—'तुम सब जाओ। मैं उदर-शूल से पीड़ित हूं अत: चल नहीं सकता।' कुमार बोला—तुम्हें यहां छोड़कर जाना उचित नहीं है। किन्तु मुझे यहां कोई जान न ले इसलिए हम दोनों पास के गांव में चलते हैं। राजकुमार ने कुलपुत्र के घर ले जाकर उसे समर्पित कर दिया। पादांक शत देकर उसे पोषण करने का सारा मूल्य चुका दिया। मंत्रीपुत्र ने जान लिया कि इसने पराक्रम से पादांक प्राप्त किए हैं। मुझे कोई विशेष कार्य है इसलिए पेट दर्द होने पर भी तुम्हारे साथ चलता हूं, ऐसा कहकर वह भी कुमार के साथ चला गया। कुमार को राज्य की प्राप्ति हो गई। राजकुमार ने मंत्री-पुत्र को आजीविका का साधन और भोग-सामग्री दे दी।
२१५. स्थूलिभद्र
पिता शकडाल के मारे जाने पर नंद ने स्थूलिभद्र से कहा—'तुम अमात्य बन जाओ।' वह अशोकवनिका में जाकर चिंतन करने लगा—'व्याक्षिप्त व्यक्तियों के लिए भोगों का क्या प्रयोजन? मैंने भोगों का परिणाम देख लिया है।' वह विरक्त होकर प्रव्रजित हो गया। इधर राजा ने अपने पुरुषों से कहा—'देखो, यह कपटपूर्वक कहीं गणिका के घर तो नहीं गया है। स्थूलिभद्र मुनि चला जा रहा था। रास्ते में कुत्ते का सड़ा हुआ शव पड़ा था। मुनि ने दुर्गन्ध को रोकने के लिए अपने नाक पर कपड़ा नहीं दिया। पुरुषों ने आकर राजा को सारी बात कही। राजा ने सोचा—'यह पूर्णत: भोगों से विरक्त हो गया है।' तब उसके छोटे भाई श्रीयक को अमात्य के पद पर स्थापित कर दिया।
२१६. सुंदरीनंद
नासिक्य नगर में नंद नाम का वणिक रहता था। उसकी पत्नी का नाम सुंदरी था। सुंदरी के प्रति उसका बहुत प्रेम था। वह एक क्षण के लिए भी उसे नहीं छोड़ता था अत: लोगों ने उसका नाम सुंदरीनंद रख दिया। उसका भाई प्रव्रजित हो गया था। उसने लोगों से सुना कि नंद सुंदरी में बहुत आसक्त है। आसक्ति के कारण कहीं मेरा भाई नरक में न चला जाए, यह सोचकर वह प्रतिबोध देने हेतु उसके यहां भिक्षा के लिए गया। नंद ने भाई को दान दिया। मुनि ने पात्र अपने भाई के हाथ में देकर कहा—'मेरे साथ चलो।' 'मुनि अब मुझे छोड़ देंगे अब मुझे छोड़ देंगे' ऐसा सोचते-सोचते मुनि उसे उद्यान तक ले गए। लोगों ने नंद के हाथ में पात्र देखकर उसका उपहास करते हुए कहा 'सुंदरी नंद प्रव्रजित हो गया है।' उद्यान में जाने पर साधु ने उसे देशना दी। किन्तु नंद का अपनी पत्नी के प्रति तीव्र अनुराग था अत: मुनि उसे संयम-मार्ग पर लाने में समर्थ नहीं हुए। मुनि वैक्रियलब्धि से सम्पन्न थे अत: उन्होंने सोचा—'अन्य कोई उपाय सफल नहीं हो सकता इसे कोई अतिशायी वस्तु दिखाकर प्रलोभन दूंगा।'
मुनि ने मेरु पर्वत की विकुर्वणा की लेकिन पत्नी के वियोग के भय से उसने उसकी इच्छा नहीं की। मुनि ने मर्कटयुगल की विकुर्वणा कर नंद से पूछा—'सुंदरी और वानरयुगल में कौन सुंदर है?' नंद बोला—'भगवन्! मेरु और सर्षप की क्या तुलना?' फिर मुनि ने विद्याधर-युगल की विकुर्वणा कर पूछा—'सुंदरी और विद्याधर-युगल में कौन सुंदर है?' नंद बोला—'दोनों समान हैं।' फिर मुनि ने देव-युगल दिखाकर पूछा—'देवयुगल और सुंदरी इन दोनों में कौन सुंदर है?' वह बोला—'भगवन्! इस देवयुगल के समक्ष तो सुंदरी वानरी जैसी लगती है।' नंद ने पूछा—'यह कैसे प्राप्त की जा सकती है?' तब मुनि बोले—'थोड़ा सा धर्माचरण करने से इसे प्राप्त किया जा सकता है।' उसने धर्म स्वीकार कर प्रव्रज्या ग्रहण कर ली। अपने भाई को प्रतिबोध देने के लिए साधु की यह पारिणामिकी बुद्धि थी।
२१७. वज्रस्वामी
संघ का अपमान न हो इसलिए बचपन में ही वज्रस्वामी ने मां का अनुवर्तन नहीं किया। उज्जयिनी में देवताओं ने उन्हें वैक्रियलब्धि दी इसलिए पाटलिपुत्र में वैक्रियलब्धि का प्रयोग किया। पुरिका नगरी में प्रवचन की प्रभावना हेतु फूलों का ढेर लेकर आए।' विस्तार हेतु देखें कथा सं. पृ. ९४।
२१८. चरणाहत
एक राजा तरुण अवस्था में था। तरुणों ने उसे भ्रमित करते हुए कहा—'आप स्थविर कुमारामात्यों को हटा दीजिए। उनके स्थान पर तरुणों को रखिए।' राजा ने तरुणों की परीक्षा करने के निमित्त पूछा—'जो मेरे सिर पर पैरों से प्रहार करे तो उसे क्या दंड देना चाहिए?' तरुणों ने तत्काल कहा—'उसके तिल जितने छोटे-छोटे टुकड़े करके मरवा देना चाहिए।' राजा ने वही प्रश्न स्थविरों से पूछा। उन्होंने कहा—'हम चिन्तन करके आपको उत्तर देंगे।' वे वहां से चले गए। उन्होंने जाकर चिंतन किया और राजा के पास आकर बोले—'राजन्! जो पैरों से राजा के सिर पर प्रहार करे उसका सत्कार-सम्मान करना चाहिए क्योंकि आपके सिर पर रानी के अलावा कौन प्रहार कर सकता है? उत्तर सुनकर राजा प्रसन्न हुआ। यह राजा और स्थविर पुरुषों की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२१९. आंवला
एक कुम्हार ने किसी व्यक्ति को बनावटी आंवला भेंट किया। वह आकार-प्रकार में आंवले जैसा ही लगता था। स्पर्श के आधार पर व्यक्ति ने जान लिया कि यह कृत्रिम आंवला है। यह उस व्यक्ति की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२२०. मणि
एक सांप के मस्तक पर मणि थी। रात्रि के समय सर्प वृक्ष पर चढ़कर पक्षियों के अंडे खा जाता था। एक बार गृद्ध ने वृक्ष पर चढ़े उस सर्प को पक्षियों के घोसले में मार डाला। मणि नीचे कूप में गिर गई। उसका पानी मणि के प्रभाव से लाल हो गया। उस मणि को कूप से निकाल लेने पर पानी स्वाभाविक हो गया। एक लड़के को यह ज्ञात हुआ। उसने अपने स्थविर पिता से यह बात कही। स्थविर ने कूप से वह मणि निकाल ली। यह वृद्ध पुरुष की पारिणामिकी बुद्धि थी।
२२१. खड्गि
किसी नगर में एक श्रावक का पुत्र यौवन के बल से मदोन्मत्त हो गया। वह धर्माचरण नहीं करता था अत: मर कर गेंडा बना। पक्षियों की पांखों की भांति उसके दोनों पार्श्वो में चर्म लटकता था। अटवी में भूले-भटके व्यक्तियों और प्राणियों को वह मार डालता था।
एक बार मुनि उसी मार्ग से जा रहे थे। वह वेग से उनको मारने आया परन्तु मुनियों के तेज से वह उन पर आक्रमण नहीं कर सका। वह चिन्तन करने लगा। उसे पूर्वजन्म की स्मृति हो गई और उसी समय उसने अनशन ग्रहण कर लिया। मरकर वह देवलोक में गया। वर्तमान भव को सुधारने हेतु गेंडे की यह पारिणामिकी बुद्धि थी।
२२२. स्तूप
विशाला नगरी के मध्य में मुनिसुव्रत तीर्थंकर का स्तूप था। कूणिक उस नगरी को हस्तगत करना चाहता था परन्तु स्तूप के कारण वह उस पर कला मिल नहीं कर सका। आकाश से देवता ने कूणिक से कहा—'जब श्रमण कूलबालक' मागधिका गणिका को प्राप्त होगा, उसके वशवर्ती होगा, उसके साथ भोग भोगेगा तब अशोकचन्द्र (कूणिक) वैशाली नगरी को ग्रहण कर सकेगा।'
कूणिक कूलबाल मुनि की खोज करने लगा। उसने गणिकाओं को बुलाया और मुनि कूलबाल को लाने की बात कही। एक गणिका बोली—'मैं ले आऊंगी।' कपट श्राविका बन कर वह एक सार्थ के साथ उस स्थान (नदी के कूल) पर गई और श्रमण कूलबाल को वंदना की। पूछने पर वह बोली—'भगवन्! मैं विधवा हो गई। घर से चैत्य वंदन करने निकली हूं। आपके विषय में सुना इसलिए यहां आ गई।' उसने मुनि को पारणक में चूर्ण मिश्रित मोदक दिए। इससे मुनि अतिसार रोग से आक्रान्त हो गए। उसने प्रयोग कर मुनि को नीरोग कर दिया। वह प्रतिदिन मुनि का उद्धर्तन करती। इससे मुनि का चित्त श्रामण्य से विलग हो गया। वह उस कपट श्राविका के फंदे में फंस गया। वह उसे विशाला नगरी में ले आई। राजा ने कूलबाल से कहा—'मेरा वचन सफल करो। ऐसा उपाय करो जिससे वैशाली पर मेरा अधिकार हो जाए।' वह विशाला में नैमत्तिक बनकर चला गया। विशाला के लोगों ने पूछा—'कोणिक हमारी नगरी को घेरकर पड़ाव डाले हुए है, यह उपद्रव कब दूर होगा?' कूलबाल मुनि ने कहा—'तुम्हारी नगरी के स्तूप को यदि उखाड़कर फेंक दिया जाए तो उपद्रव दूर हो सकता है।' स्तूप गिरा दिया गया। नगरी प्रभाव रहित हो गयी। नगरी पर कूणिक का अधिकार हो गया।
२२३. तप:सिद्ध
एक गांव में एक ब्राह्मण रहता था। वह दुर्दान्त था, किसी को कुछ नहीं समझता था। उसे वहां से निष्कासित कर दिया। वह घूमता हुआ एक चोरपल्ली में पहुंचा। चोर-सेनापति ने उसे पुत्र रूप में स्वीकार कर लिया। सेनापति की मृत्यु के पश्चात् वह स्वयं चोरों का सेनापति बन गया। वह निर्दयी था अत: उसका नाम दृढ़प्रहारी हो गया। एक बार वह अपने चोरों के साथ एक गांव को लूटने गया। वहां एक दरिद्र रहता था। उसके पुत्र-पौत्रों ने खीर खाने की याचना की। खीर पकाई गई। वह दरिद्र स्नान करने गया। इतने में ही चोर उसके घर में घुस गए। एक चोर ने खीर का बर्तन देखा। वह भूखा था इसलिए वह उस पात्र को लेकर भाग गया। रोते हुए छोटे बच्चे पिता के पास गए। वे बोले—'खीर का पात्र एक चोर ले भागा। वह दरिद्र उस चोर को मारने के लिए पीछे दौड़ा। उसकी पत्नी ने उसे रोका पर वह नहीं माना चोर-सेनापति गांव में था। वह वहीं गया। चोर-सेनापति के साथ युद्ध हुआ।' चोर-सेनापति ने सोचा—'यह मेरे साथी चोरों का पराभव कर देगा इसलिए सेनापति ने पकड़ कर निर्दयता से उसके टुकड़े-टुकड़े कर डाले।' इतने में ही उस दरिद्र की पत्नी वहां पहुंची और बोली—'अरे निर्दयी! तूने यह क्या कर डाला? सेनापति ने उसे भी मार डाला। वह गर्भवती थी। उसके गर्भ को फाड़ डाला। उस समय उसके मन में दया का अंकुरण हुआ और सोचा—'मैंने अधर्म किया है।' ये बालक दरिद्र हैं, ऐसा उसे ज्ञात हुआ। उसमें तीव्रतर वैराग्य उत्पन्न हुआ। वह उपाय सोचने लगा। इतने में ही उसे साधु दृग्गोचर हुए। उसने साधुओं से उपाय पूछा। साधुओं ने धर्म का उपदेश दिया। चोर-सेनापति ने उसे स्वीकार किया। वह मुनि बन गया। अपने कर्मों का विनाश करने के लिए उसने क्षमा का विशेष संकल्प धारण किया और वहीं विहरण करने लगा। उसे देखकर लोग उसकी अवहेलना करते, मारते-पीटते। वह सभी कष्टों को समतापूर्वक सहन करके अत्यंत घोर कष्ट सहन करता। भोजन न मिलने पर भी शांत रहता। उसने महान् निर्जरा कर केवलज्ञान प्रात कर लिया और सिद्ध हो गया।
२२४. नमस्कार मंत्र की फलश्रुति
एक श्रावक का पुत्र धर्म में अनुरक्त नहीं था। श्रावक के कालगत होने श्रावक-पुत्र व्यवहारशून्य होकर ऐसे ही घूमता था। एक बार उसके परिजनों के आवासस्थल के निकट एक त्रिदंडी परिव्राजक आकर ठहरा। श्रावकपुत्र उसके साथ मैत्री करने लगा। एक बार उस परिव्राजक ने उससे कहा—'तुम अनाथ व्यक्ति का निरुपहत शव ले आओ, मैं तुम्हें धनवान बना दूंगा।' उस लड़के ने शव की खोज की। उसे वैसा शव प्राप्त हो गया। परिव्राजक उस लड़के को यह कहकर श्मशान ले गया कि वहां जाकर कुछ विधि करनी है। लड़का नमस्कार मंत्र जानता था। उसके माता-पिता ने कहा था कि भय लगे तब इसका पाठ करना, यह परम विद्या है। लड़के को शव के सामने बिठाया। मृतक के हाथ में एक तलवार दी गई। परिव्राजक विद्या का पाठ करने लगा। शव वैताल के रूप में उठने लगा। लड़का भयाक्रान्त होकर नमस्कार मंत्र का परावर्तन करने लगा। उठा हुआ वैताल नीचे गिर पड़ा। परिव्राजक पुन: विद्या का परावर्तन करने लगा। शव पुन: उठा। लड़का दृढ़ता से नमस्कार मंत्र का परावर्तन करता रहा। शव पुन: गिर पड़ा। परिव्राजक ने लड़के से पूछा—'कुछ जानते हो?' लड़का बोला—'नहीं।' परिव्राजक ने पुन: विद्या का जाप प्रारंभ किया। शव पुन: उठा। लड़का नमस्कार मंत्र का परावर्तन कर ही रहा था कि शव पुन: नीचे गिर पड़ा। व्यन्तर देव रुष्ट हो गया। उसने आकर उसी तलवार से परिव्राजक (त्रिदंडी) के दो टुकड़े कर डाले। वह सुवर्णपुरुष हो गया। उसके सारे अंगोपांगो को रात भर पृथक्-पृथक् काट कर, स्वर्ण लेकर वह लड़का धनाढ्य बन गया। सुवर्णपुरुष का यह क्रम है कि रात्रि में उसको जितना काटा जाए, प्रात: वह पुन: उन्हीं अवयवों से युक्त हो जाता है, उसका कभी पूर्ण विनाश नहीं होता। यदि लड़के के पास नमस्कार-मंत्र का बल नहीं होता तो वह उस व्यन्तर देव के द्वारा मारा जाता और सुवर्णपुरुष बनकर परिव्राजक के काम आता।
२२५. नमस्कार मंत्र से कामनिष्यत्ति
एक श्राविका थी। उसका पति मिथ्यादृष्टि था। वह दूसरी पत्नी लाना चाहता था क्योंकि उससे उसे पुत्र की प्राप्ति नहीं हुई थी। उसने सोचा—'प्रथम पत्नी के रहते मुझे दूसरी मिलेगी नहीं अत: इसे कैसे मृत्युधाम पहुंचाया जाए?' एक दिन एक काले नाग को घड़े में डालकर वह घर ले आया और उसे गुप्त स्थान में रख दिया। भोजन करने के पश्चात् उसने अपनी पत्नी से कहा—फूल ले आओ। मैंने उन्हें अमुक घड़े में रखा है।' वह कमरे में गई। अंधकार के कारण वह नमस्कार मंत्र का पाठ करती हुई आगे बढ़ी। उसने सोचा, यदि अंधकार में मुझे कोई जीव काट खाए तो भी मेरा नमस्कार मंत्र न छुटे। उसने घड़े में हाथ डाला। देवता ने घड़े से सर्प का अपहरण कर उसे एक फूल की माला बना दिया। श्राविका ने माला लाकर अपने पति को दी। उसने संभ्रान्त होकर सोचा, यह और किसी घट से ले आई है। पत्नी को पूछा तो उसने कहा—'जिस घड़े से आपने लाने के लिए कहा था, उसी से लाई हूं।' वह घड़े के पास गया। घड़े को देखा तो उसमें से फूलों की गंध आ रही थी। घड़े में सर्प था ही नहीं। वह आश्चर्यचकित रह गया। उसने पत्नी से क्षमायाचना की और उसके पैरों में गिर गया। तत्पश्चात् वह श्राविका घर की स्वामिनी बन गई।
२२६. नमस्कार मंत्र से आरोग्य प्राप्ति
एक नगर में हिंसक धंधा करने वाला एक व्यक्ति नदी के तट पर शौचार्थ गया। नदी में उसने एक बिजौरे को तैरते देखा। उसने उसे निकाल कर राजा को उपहत किया। राजा ने उसे अपने रसोइए को दे दिया। राजा जब भोजन करने आया तक उसके सामने रखा। राजा ने देखा कि वह बिजौरा प्रमाण से अतिरिक्त बृहद् तथा वर्ण और गंध में भी अतिरिक्त था। राजा उसे देखकर बहुत प्रसन्न हुआ। बिजौरा भेंट करने वाले पर वह तुष्ट हुआ और उसे प्रचुर धन दिया। राजा ने अपने आदमियों से कहा—'और बिजौरे लेकर आना है।' लोग पाथेय लेकर नदी के तट से चले। वे एक वनखण्ड में गए। वहां से जो फल लेता, वह मर जाता। उन्होंने आकर राजा को सारी बात कही। राजा बोला—'कुछ भी हो, वे फल अवश्य लाने हैं। अक्षपातनिका के क्रम से जाएं।' लोग जाकर फल लाने लगे। एक उस वनखण्ड में जाता! फल तोड़कर वह बाहर फेंक देता। दूसरे लोग वहां से फल ले आते। वनखण्ड में जाने वाला व्यक्ति मर जाता। काल बीतने लगा। इसी क्रम में एक श्रावक की बारी आई। वह वहां गया और उसने सोचा कि कोई श्रामण्य से विराधक होकर यहां व्यंतर देव न बना हो इसलिए उसने नैषेधिकी की और नमस्कार महामंत्र का जाप करता हुआ भीतर गया। वहां का अधिष्ठाता व्यंतर देव सबुद्ध हुआ। उसने वंदना कर श्रावक से कहा—'मैं फल वहीं लाकर दे दूंगा।' श्रावक ने जाकर राजा से सारी बात कही। राजा बहुत प्रसन्न हुआ। श्रावक को यथेष्ट धन देकर राजा ने उसकी पूजा की। इस प्रकार श्रावक को अभिरति और भोग प्राप्त हुए साथ ही जीवन-दान भी मिला। इससे बढ़कर और क्या आरोग्य हो सकता है?
२२७. परलोक में नमस्कार मंत्र का फल ( चंडपिंगलक )
बंसतपुर नगर में जितशत्रु राजा राज्य करता था। वहां एक गणिका श्राविका चंडपिंगलक चोर के साथ रहती थी। एक बार वह चोर राजप्रासाद में चोरी कर एक हार ले आया। दोनों भयभीत हुए और हार को कहीं छुपा दिया। एक बार उद्यानिका उत्सव आया। सभी गणिकाएं विभूषित होकर उसमें भाग लेने चलीं। उस गणिका ने सोचा, मैं सभी गणिकाओं से श्रेष्ठ बनूं, इस दृष्टि से उसने उस दिन वह हार पहना। जिस रानी का वह हार था, वह भी उस महोत्सव में आई थी। उसने गणिका के गले में पहना हुआ हार पहचान लिया। उसने राजा से कहा। राजा ने पूछ—'वह गणिका किसके साथ रहती है?' राजपुरुषों के कहने पर राजा ने चंडपिंगलक चोर का निग्रह कर उसे शूली पर चढ़ा दिया। गणिका ने सोचा, यह मेरे दोष के कारण मारा जा रहा है, इसलिए उसने उस चोर को नमस्कार मंत्र सुनाया और कहा—'ऐसा निदान करो कि मैं इसी राजा के घर पुत्र रूप में उत्पन्न होऊं।' उसने प्राण निकलने से पूर्व यह निदान कर डाला। वह पट्टंरानी के गर्भ में आया। समय पर महारानी ने पुत्र का प्रसव किया। वह गणिका विका उस बालक की क्रीडनकधात्री बनी। उसने एक दिन चिंतन किया कि गर्भ का काल और मरण का काल एक हो सकता है अत: वह उस बालक को क्रीड़ा कराती हुई कहती—'चंडपिंगल! रो मत।' वह रोना बंद कर देता। अपना नाम सुनकर वह सबुद्ध हो गया। वह बड़ा हुआ। राजा के दिवंगत होने पर वह राजा बन गया। कालान्तर में वे दोनों प्रव्रजित हो गए।
२२८. जिनदत्त श्रावक एवं हुंडिकयक्ष
मधुरा नगरी में जिनदत्त श्रावक रहता था। वहां हुंडिक नामक चोर नगर में चोरी करता। नगर में उसका आतंक फैला हुआ था। एक बार वह पकड़ा गया। उसे शूली की सजा मिली। एक दिन श्रावक जिनदत्त उधर से निकल रहा था। चोर ने उससे कहा—'श्रावक जी! तुम अनुकंपक हो, मुझे प्यास लगी है अत: पानी पिलाओ मैं मर रहा हूं।' श्रावक ने कहा—'मैं पानी लाता हूं, तब तक तुम नमस्कार महामंत्र का जाप करो। यदि तुम भूल जाओगे तो मैं लाया हुआ पानी भी नहीं पिलाऊंगा।' चोर उस लालसा से नमस्कार महामंत्र का जाप करने लगा। इतने में ही श्रावक भी पानी लेकर आ गया। चोर ने सोचा, अब मैं पानी पीऊंगा, यह सोचते-सोचते तथा नमस्कार मंत्र का घोष करते—करते उसके प्राण निकल गए। वह यक्ष बना। राजपुरुषों ने आकर श्रावक का यह कहकर निग्रह कर लिया कि यह चोर को भोजन देने वाला है। राजा तक बात पहुंची। राजा ने कहा—'इस श्रावक को भी शूली पर चढ़ा दो।' उसे शूली पर चढ़ाने ले जाया जा रहा था। यक्ष ने अवधिज्ञान का प्रयोग किया। उसने श्रावक को देखा और साथ ही साथ अपने शरीर को भी देखा। एक भारी शिला की विकुर्वणा कर नगर के बीच आकाश में आकर वह यक्ष बोला—'श्रावक को मत ले जाओ। उसे क्षमा करो अन्यथा मैं सभी को चकनाचूर कर डालूंगा।' श्रावक को मुक्त कर दिया गया। हुंडिकयक्ष का आयतन निर्मित किया गया।
२२९. द्रव्य प्रतिक्रमण ( कुंभकार )
एक कुंभकार के घर में मुनि ठहरे हुए थे। उनके साथ एक बाल मुनि था। वह कुंभकार के मिट्टी के नवनिर्मित बर्तनों को कंकरों से काना बना रहा था, उनमें छेद कर रहा था। कुंभकार ने सावधान होकर देखा और शैक्ष मुनि से कहा—'तुम मेरे बर्तनों को खण्डित क्यों कर रहे हो?' क्षुल्लक मुनि बोला—'मिच्छामि दुक्कडं।' पुन: वह बर्तनों को 'काना' कर 'मिच्छामि दुक्कडं' दोहराने लगा। कुंभकार ने तब क्षुल्लक मुनि का कान मरोड़ा। मुनि बोला—'मेरे कान में पीड़ा हो रही है।' कुंभकार ने कहा—'मिच्छामि दुक्कडं।' ज्यों-ज्यों मुनि कंकर फेंकता कुंभकार आकर उसका कान मरोड़ कर कहता 'मिच्छामि दुक्कडं।' तब क्षुल्लक मुनि बोला—'अहो, तुम्हारा 'मिच्छामि दुक्कडं' बहुत विचित्र है।' कुंभकार ने कहा—'मुने! तुम्हारा 'मिच्छामि दुक्कडं' भी तो ऐसा ही है। मुनि बर्तनों को फोड़ने से विरत हो गया।
२३०. भाव प्रतिक्रमण ( मृगावती )
भगवान् वर्धमान स्वामी कौशाम्बी नगरी में समवसृत हुए। वहां चांद और सूर्य अपने मूल विमानों से भगवान् महावीर को वंदना करने आए। उस समय महाराज उदायन की माता साध्वी मृगावती दिवस मानकर चिरकाल तक वहीं उपासना में बैठी रही। शेष साध्वियां तीर्थंकर को वंदना कर अपने उपाश्रय की ओर प्रस्थित हो गई। चांद-सूर्य भी तीर्थंकर को वंदना कर चले गए। उनके जाने के बाद अंधेरा हो गया। साध्वी मृगावती संभ्रान्त हो गई। वह तत्काल वहां से चली और आर्या चंदना के पास पहुंची। उस समय तक साध्वियों ने प्रतिक्रमण कर लिया था। मृगावती आलोचना करने आर्या चंदना के पास गई। आर्या चंदना ने कहा—'आर्ये! आज चिरकाल तक वहां कैसे रही? तुम्हारे लिए यह उचित नहीं है। तुम उत्तम कुल में जन्मी हो। तुम्हारा लंबे समय तक वहां एकाकी रहना अच्छा नहीं है।' वह सद्भाव से 'मिच्छामि दुक्कडं' कहती हुई आर्या चंदना के चरणों में लुठ गई। आर्य चंदना उस समय सोने के लिए अपने संस्तारक पर चली गई थी। उसे गहरी नींद आ गई। मृगावती जब पूर्ण संवेग से आर्या चंदना के पैरों में नत हुई, तभी उसे केवलज्ञान की प्राप्ति हो गई। चंदना प्रसुप्त थी। मृगावती पास में स्थित थी। एक सर्प उसी मार्ग पर आ रहा था। आर्या चंदना का हाथ बिछौने से नीचे लटक रहा था। मृगावती ने सोचा—'सर्प हाथ पर डंक न लगा दे, इसलिए उसने उस लटकते हुए हाथ को बिछौने पर चढ़ा दिया।' आर्या चंदना जाग उठी। उसने पूछा—'यह क्या, अभी तक तुम बैठी हो?' 'मिच्छामि दुक्कडं' निद्रा-प्रमाद से मुझे क्यों नहीं उठाया? मृगावती बोली—'सर्प आपको डस न ले, इसलिए मैंने आपका हाथ बिछौने पर रखा है।' आर्या चंदना बोलीं-'कहां है सर्प?' मृगावती ने अंगुलिनिर्देश पूर्वक कहा—'वह देखो, वहां।' आर्या चंदना को कुछ भी नहीं दिखाई दिया तब उसने पूछा—तुमने कैसे जाना? क्या कोई अतिशायी ज्ञान उत्पन्न हुआ है?' मृगावती बोली—'हां।' चंदना ने फिर पूछा—'वह अतिशय ज्ञान छाद्मस्थिक है अथवा कैवलिक?' मृगावती बोली—'कैवलिक।' आर्या चंदना उठी और मृगावती के चरणों में गिरकर बोली—'मिच्छामि दुक्कडं, मैंने केवली की आशातना की है। यह भावप्रतिक्रमण है।
२३९. प्रसन्नचन्द्र राजर्षि
क्षितिप्रतिष्ठित नगर में प्रसन्नचन्द्र राजा राज्य करता था। एक बार वहां भगवान् महावीर समवसृत हुए। राजा प्रवचन सुनने गया। प्रवचन सुनकर वह संवेग को प्राप्त हुआ और भगवान् के पास प्रव्रजित हो गया। दीक्षित होकर वह गीतार्थ बन गया।
एक बार वह जिनकल्प साधना को स्वीकार कर सत्त्व आदि भावनाओं से स्वयं को भावित करने लगा। वह राजगृह के श्मशान में प्रतिमा स्वीकार कर स्थित हो गया। भगवान् महावीर राजगृह में समवसृत हुए। लोग भगवान् को वंदन करने आने-जाने लगे। क्षितिप्रतिष्ठित नगर के दो वणिक् वहां से गुजर रहे थे। मुनि प्रसन्नचन्द्र को देखकर एक वणिक् बोला—'यह हमारा स्वामी राज्यलक्ष्मी को छोड़कर तप:श्री को प्राप्त हुआ है। अहो! यह धन्य है।' दूसरा वणिक् तत्काल बोला—'इसकी कैसी धन्यता? अपने शक्तिहीन बालक को राज्य का भार सौंप कर यह स्वयं दीक्षित हो गया। वह बेचारा राज्य में हिस्सा मांगने वाले दायादों से पीड़ित हो रहा है। नगर का प्राय: विनाश हो गया है। कर्त्तव्यहीनता से इस राजा ने अनेक लोगों को कष्ट में डाल दिया है इसलिए इसको देखना भी नहीं चाहिए।' यह सुनकर ध्यानस्थ खड़े मुनि प्रसन्नचन्द्र कुपित हो गए। उन्होंने सोचा—'मेरे पुत्र का अपकार करने वाला कौन है? निश्चित ही अमुक व्यक्ति होना चाहिए। उससे मुझे क्या? मैं इस अवस्था में भी उसे मार सकता हूं।' मुनि मानस-संग्राम में लीन होकर रौद्रध्यान में चले गए। अब हाथी पर चढ़कर हाथी को और घोड़े पर चढ़कर घोड़े को मारने लगे। वे मन ही मन संग्राम करने लगे। उसी समय महाराज श्रेणिक भगवान् को वंदना करने उसी मार्ग से जा रहे थे। उन्होंने भी प्रसन्नचन्द्र राजर्षि को प्रतिमा में स्थित देखा, वह मुनि को वंदना कर आगे बढ़ गए। मुनि ने उस ओर तनिक भी ध्यान नहीं दिया। श्रेणिक ने सोचा—'ये मुनि अभी शुक्लध्यान में आरूढ़ हैं। इस अवस्था में कालगत होने वाले की क्या गति होती है, यह मैं भगवान् से पूछूंगा।' श्रेणिक भगवान् के समवसरण में पहुंचा और वंदना कर भगवान् से पूछा—'भगवन्! मैंने प्रसन्नचन्द्र राजर्षि को जिस ध्यानावस्था में वंदना की थी, उस अवस्था में यदि वे कालगत होते हैं तो उनका उपपात कहां होगा?' भगवान् ने कहा—'सातवें नरक में।' तब श्रेणिक ने सोचा—'यह कैसे?' मैं भगवान् से पुन: पूछूंगा। इतने में ही प्रसन्नचन्द्र राजर्षि के मानसिक संग्राम के प्रधाननायक और सहयोगी ने आकर कहा—'हमारे असि, शक्ति, चक्र, कर्तनी आदि प्रमुख शस्त्रास्त्र समाप्त हो चुके हैं। यह सुनकर राजर्षिं ने अपने शिरस्त्राण से शत्रुओं को मारने के लिए ज्योंहि सिर पर हाथ रखा, उन्हें होश आया। उन्होंने सोचा—'अरे! मेरा शिर तो लुंचित है।' उन्हें परम संवेग की प्राप्ति हुई और वे विशुद्ध परिणामों से आत्मा की निन्दा करने लगे। वे पुन: शुक्ल ध्यान में आरूढ़ हो गए। इतने में ही श्रेणिक ने पुन: भगवान् से पूछा—'भगवन्! जिस ध्यान में अभी मुनि प्रसन्नचन्द्र आरूढ हैं, यदि उसमें उनकी मृत्यु हो जाए तो उनका उपपात कहां होगा?' भगवान् बोले—'अभी इस अवस्था में उनकी मृत्यु हो तो वे अनुत्तर विमान देवलोक में उत्पन्न होंगे।' श्रेणिक ने पूछा—'भगवन्! पहले आपने अन्यथा प्ररूपणा की अथवा मैंने अन्यथा समझा?' भगवान् बोले—'मैंने पहले अन्यथा नहीं कहा और न ही तुमने अन्यथा समझा। श्रेणिक बोला—'तब इतना अंतर क्यों और कैसे आया?' तब भगवान् ने श्रेणिक को सारा वृत्तान्त बताया। इतने में ही मुनि प्रसन्नचन्द्र के समीप देवदुन्दुभि जैसा दिव्य शब्द होने लगा। श्रेणिक ने भगवान् से पूछा—'भगवन्! यह क्या?' भगवान् बोले—'विशुद्ध परिणामों में प्रवर्त्तमान मुनि प्रसन्नचन्द्र को केवलज्ञान प्रात हो गया है अत: देवता उनकी महिमा कर रहे हैं।
♦
आवनि—आवश्यक निर्युक्ति।
आवचू—आवश्यक चूर्णि।
आवभा—आवश्यक भाष्य।
आवहाटी—आवश्यक हारिभद्रीय टीका
कुव—कुवलयमाला।
गो. जी. प्र—'गोम्मटसार जीवकाण्ड प्रथम काण्ड।
जंबू—'जम्बू चरित्र।
दशनि—'दशवैकालिक निर्युक्ति
दशहाटी—'दशवैकालिक हारिभद्रीय टीका।
धवला—षट्खण्डागम धवला टीका।
बृभाटी—बृहत्कल्पभाष्य टीका।
मटी—आवश्यक निर्युक्ति मलयगिरि टीका।
नंदीहाटि—नंदी हारिभद्रीय टिप्पणक।
लीला—लीलावईकहा।
वसु—वसुदेवहिंडी।
षट्—षट्खण्डागम।
समरा—समराइच्यकहा।
स्थाटी—स्थानांग टीका।
हाटी—आवश्यक हारिभद्रीय टीका।
♦
आवश्यक निर्युक्ति की कथाएं (भाग-१)
डॉ. समणी कुसुमप्रज्ञा

For any Feedback/Comments/Queries:
Please write to books@jvbharati.org