
जैन आगम ग्रंथमाला


© जैन विश्व भारती, लाडनूं
भगवई विआहपण्णत्ती का प्रथम खंड पाठक के सम्मुख प्रस्तुत हो रहा है। इसके सम्पूर्ण मूलपाठ का सम्पादन अंगसुत्ताणि भाग 2 में हो चुका है। हमने जो सम्पादन-शैली स्वीकृत की है, उसमें पाठ-शोधन और अर्थ-बोध दोनों समवेत हैं। अर्थ-बोध के लिए शुद्ध पाठ अपेक्षित है और पाठ-शुद्धि के लिए अर्थ-बोध अनिवार्य है।
प्रस्तुत संस्करण अर्थ-बोध कराने वाला है। इसमें मूलपाठ के अतिरिक्त संस्कृत छाया, हिन्दी अनुवाद और सूत्रों का हिन्दी भाष्य समवेत है। पाठ-सम्पादन का काम जटिल है। अर्थ-बोध का काम उससे कहीं अधिक जटिल है। कथा-भाग और वर्णन-भाग में तात्पर्य-बोध की जटिलता नहीं है। किन्तु तत्त्व और सिद्धांत का खण्ड बहुत गंभीर अर्थ वाला है। उसकी स्पष्टता के लिए हमारे सामने दो आधारभूत ग्रंथ रहे हैं—
1. अभयदेवसूरिकृत वृत्ति—इसे अभयदेवसूरि ने स्वयं विवरण ही माना है और उसे पढ़ने पर वह विवरण-ग्रंथ का बोध ही कराता है, व्याख्या-ग्रंथ का बोध नहीं देता।
2. भगवती-जोड़—इसमें श्रीमज्जयाचार्य ने अभयदेवसूरि की वृत्ति का पूरा उपयोग किया है। धर्मसी का टबा का भी अनेक स्थलों पर उपयोग किया है। इनके अतिरिक्त आगम और अपने तत्त्वज्ञान के आधार पर अनेक समीक्षात्मक वार्तिक लिखे हैं।
हमने भाष्य के लिए आगम-सूत्रों, शवेताम्बर-दिगम्बर परम्परा का ग्रंथ-साहित्य, वैदिक और बौद्ध परम्परा के अनेक ग्रंथों का उपयोग किया है। आयारो का भाष्य संस्कृत भाषा में लिखा गया है। भगवती का भाष्य हिन्दी में लिखा गया है। ठाणं, सूयगडो आदि की सम्पादन-शैली यह रही—मूलपाठ, संस्कृत छाया, हिन्दी-अनुवाद तथा स्थान और अध्ययन की समाप्ति पर टिप्पण अथवा भाष्य। भगवती की संपादन-शैली में एक नया प्रयोग किया गया है—प्रत्येक सूत्र अथवा प्रत्येक आलापक (प्रकरण) के साथ भाष्य की समायोजना है। अन्त में छह परिशिष्ट हैं, जैसे—
1. नामानुक्रम
2. भाष्यविषयानुक्रम
3. पारिभाषिक शब्दानुक्रम
4. आधारभूत ग्रंथ-सूची
5. जिनदास महत्तरकृत चूर्णि—दो शतक
6. अभयदेवसूरिकृत वृत्ति—दो शतक
प्रत्येक शतक के पहले एक आमुख है। पाद-टिप्पण में संदर्भ-वाक्य उद्धृत हैं।
उपलब्ध आगम-साहित्य में भगवती सूत्र सबसे बड़ा ग्रंथ है। तत्त्वज्ञान का अक्षयकोष है। इसके अतिरिक्त इसमें प्राचीन इतिहास पर प्रकाश डालने वाले दुर्लभ सूत्र विद्यमान हैं। इस पर अनेक विद्वानों ने काम किया है। किन्तु जितने श्रम-बिन्दु झलकने चाहिए, उतने नहीं झलक रहे हैं, यह हमारा विनम्र अभिमत है। गुरुदेव तुलसी की भावना थी कि भगवती पर गहन अध्यवसाय के साथ कार्य होना चाहिए। हमने उस भावना को शिरोधार्य किया है और उसके अनुरूप फलश्रुति भी हुई है। इसका मूल्यांकन गहन अध्ययन करने वाले ही कर पाएंगे। हमारा यह निश्चित मत है कि सभी परम्पराओं के ग्रंथों के व्यापक अध्ययन और व्यापक दृष्टिकोण के बिना प्रस्तुत आगम के आशय को पकड़ना सरल नहीं है। उदाहरण के लिए एक शब्द को प्रस्तुत करना अभीष्ट है। प्रथम शतक के एक सूत्र (349) में अवरा पाठ है। पंडित बेचरदास जी ने उसका अर्थ दूसरी एक नाड़ी (तथा बीजी पण एक नाड़ी छै) किया है।1
चरक-संहिता के अनुसार—गर्भस्थ शिशु को रसवाहिनियों से पोषण प्राप्त होता है। गर्भ की नाभि में नाड़ी लगी रहती है, नाड़ी में अपरा (Placenta) लगी रहती है और अपरा का संबंध माता के हृदय के साथ लगा रहता है। माता का हृदय उस अपरा को स्यन्दमान (जिसमें रस-रक्त आदि का वहन होता है) शिराओं द्वारा रस-रक्त से आप्लावित किए रहता है।1
सहयोगानुभूति
जैन परम्परा में वाचना का इतिहास बहुत प्राचीन है। आज से 1500 वर्ष पूर्व तक आगम की चार वाचनाएं हो चुकी हैं। देवर्द्धिगणी के बाद कोई सुनियोजित आगम-वाचना नहीं हुई। उनके वाचना-काल में जो आगम लिखे गए थे, वे इस लम्बी अवधि में बहुत ही अव्यवस्थित हो गए। उनकी पुनर्व्यवस्था के लिए आज फिर एक सुनियोजित वाचना की अपेक्षा थी। गणाधिपति पूज्य गुरुदेव श्री तुलसी ने सुनियोजित सामूहिक वाचना के लिए प्रयत्न भी किया था, परन्तु वह पूर्ण नहीं हो सका। अन्ततः हम इसी निष्कर्ष पर पहुंचे कि हमारी वाचना अनुसन्धानपूर्ण, तटस्थ दृष्टि-समन्वित तथा सपरिश्रम होगी, तो वह अपने-आप सामूहिक हो जाएगी। इसी निर्णय के आधार पर हमारा यह आगम-वाचना का कार्य प्रारंभ हुआ।
हमारी इस वाचना के प्रमुख गणाधिपति श्री तुलसी रहे हैं। वाचना का अर्थ अध्यापन है। हमारी इस प्रवृत्ति में अध्यापन-कर्म के अनेक अंग हैं—पाठ का अनुसंधान, भाषान्तरण, समीक्षात्मक अध्ययन आदि-आदि। इन सभी प्रवृत्तियों में गुरुदेव का हमें सक्रिय योग, मार्ग-दर्शन और प्रोत्साहन प्राप्त है। यही हमारा इस गुरुतर कार्य में प्रवृत्त होने का शक्ति-बीज है।
प्रस्तुत ग्रंथ भगवती का सानुवाद और सभाष्य संस्करण है। प्रथम खण्ड में भगवती के प्रथम दो शतक व्याख्यात हैं। मूलपाठ, संस्कृत छाया, हिन्दी अनुवाद, भाष्य और उसके संदर्भ-स्थल तथा परिशिष्ट—ये सब प्रस्तुत संस्करण के परिकर हैं। अनुवाद-कार्य साध्वीप्रमुखा कनकप्रभाजी ने संपन्न किया है। भाष्य-लेखन और सम्पादन में महाश्रमण मुनि मुदितकुमार✾, मुनि महेन्द्रकुमार और मुनि हीरालालजी सहयोगी रहे हैं। परिशिष्टों के निर्माण एवं सम्पादन में उक्त मुनियों के अतिरिक्त साध्वियों एवं समणियों का भी योगदान है।
प्रस्तुत ग्रंथ के सम्पादन में अनेक साधु-साध्वियों का योग है। गुरुदेव के वरदहस्त की छाया में बैठकर कार्य करने वाले हम सब संभागी हैं। फिर भी मैं उन सब साधु-साध्वियों के प्रति सद्भावना व्यक्त करता हूं जिनका इस कार्य में स्पर्श हुआ है।
—आचार्य महाप्रज्ञ
1. श्रीमद् भगवती सूत्र बेचरदासजी द्वारा अनूदित, संपादित, प्रथम खण्ड, पृ. 182
1. चरक संहिता, शारीरस्थान, 6123
✾. वर्तमान आचार्यश्री महाश्रमण
♦
आमुख
प्रस्तुत है भगवती का पहला शतक। इसमें दर्शनशास्त्र, आचारशास्त्र, जीवविद्या, लोकविद्या, सृष्टिविद्या, परामनोविज्ञान आदि अनेक विषयों का गंभीर परामर्श हुआ है। जैन दर्शन के अनुसार सृष्टि का विकास जीव और पुद्गल के योग से हुआ है। मूल तत्त्व दो हैं—जीव और अजीव। उनका अस्तित्व त्रैकालिक है, अनादि है।1 प्रत्येक अस्तित्व में उत्पाद, व्यय, ध्रौव्य की त्रिपदी का समन्वय है। ध्रौव्यांश अनादि है। उत्पाद और व्यय परिणमन के अंग हैं।2 यह परिणमन ही सृष्टि का मूल बीज है।
रोहक के प्रश्न के उत्तर में भगवान् महावीर ने कहा—रोहक! जीव और अजीव हैं। उनमें पहले-पीछे का क्रम नहीं है। पहले जीव और पश्चाद् अजीव—यह नहीं है। पहले अजीव और पश्चाद् जीव—यह भी नहीं है। दोनों में पौर्वापर्य नहीं है।3 यह सिद्धान्त वेदान्त के चैतन्याद्वैत से भिन्न है। उसके अनुसार ब्रह्म या चेतन से जड़ पदार्थ की उत्पत्ति होती है।
इस सिद्धान्त में जड़ाद्वैतवाद का भी अस्वीकार है। उसके अनुसार जड़ पदार्थ से चैतन्य की उत्पत्ति होती है।
चेतन और अचेतन दोनों का स्वतंत्र अस्तित्व है, फिर उनमें संबंध स्थापित कैसे हो सकता है?—यह प्रश्न दर्शन के क्षेत्र में बहुचर्चित रहा है4 और आज भी है। इस प्रश्न का एक नया समाधान उपलब्ध है। जीव और पुद्गल दोनों में एक स्नेह नाम का तत्त्व होता है। इस तत्त्व के कारण उन दोनों में संबंध स्थापित हो जाता है।
रेने देकार्ते ने शरीर और मन की निरपेक्ष सत्ता का प्रतिपादन किया। स्पिनोजा ने शरीर और मन में अद्वैत की स्थापना की। आधुनिक वैज्ञानिक शरीर और मन में अंत:क्रिया (interaction) मानते हैं। मनोविज्ञान के क्षेत्र में इस अन्त: क्रिया के सिद्धान्त के आधार पर अनेक समस्याएं सुलझाई गई हैं। शरीर का मन पर और मन का शरीर पर प्रभाव होता है, यह स्पष्ट है। शरीर और मन दोनों भिन्न सत्ताएं हैं; फिर एक-दूसरे का प्रभाव एक-दूसरे पर कैसे होता है? देकार्ते ने शरीर और मन की पारस्परिक क्रियाओं का संबंध-सूत्र पाइनियल ग्लैंड को बतलाया है। इससे प्रश्न का सही समाधान नहीं होता। शरीर और जीव दोनों में कोई ऐसा संबंध-सूत्र होना चाहिए जिससे वे एक-दूसरे को परस्पर प्रभावित कर सकें। स्नेह का संबंध जीव और पुद्गल दोनों से है। उसके आधार पर पारस्परिक संबंध की व्याख्या सरल हो जाती है।
जीव और पुद्गल का संबंध शरीर-धारण, आहार-ग्रहण, कर्म-बंध, कर्म-विपाक आदि अनेक रूपों में होता है। इस प्रसंग में जीवविद्या और कर्मविद्या के अनेक नए पक्षों पर विमर्श हुआ है।5
परामनोविज्ञान (parapsychology) विज्ञान की नई और दर्शन की बहुत पुरानी शाखा है। उसका एक महत्त्वपूर्ण अंग है—पुनर्जन्म। एक जीव वर्तमान जीवन को समाप्त कर नए जीवन का प्रारंभ करता है। गीता की भाषा में—
'वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि गृह्णाति नरोपराणि।
तथा शरीराणि विहाय जीर्णान्यन्यानि संयाति नवानि देही।।1
'मनुष्य जैसे पुराने वस्त्रों को छोड़ नए वस्त्रों को धारण करता है, वैसे ही देही (जीव) पुराने शरीर को छोड़ नए शरीर को धारण करता है।'
प्रस्तुत शतक में एक जीवन से दूसरे जीवन के मध्य होने वाली गति (अंतराल गति) का विवेचन मिलता है।2 पुनर्जन्म की आयु का संवेदन कब होता है?3 अंतराल गति में जीव इन्द्रिय-ज्ञान और शरीर से युक्त होता है या वियुक्त?—इन प्रश्नों पर विचार किया गया है।4 पुनर्जन्म से संबंध रखने वाले अनेक सूत्र हैं।5
गर्भ-विद्या (embryology) के सूत्रों की तुलना आयुर्वेद के मौलिक ग्रंथ चरक और सुश्रुत से होती है।6 गर्भस्थ शिशु वैक्रिय-लब्धि के द्वारा सेना का निर्माण कर युद्ध करता है और वह मरकर नरक में उत्पन्न हो जाता है।7 कोई गर्भस्थ शिशु धार्मिक प्रवचन सुन उसमें लीन हो जाता है, गर्भ-अवस्था में उसकी मृत्यु होती है और वह स्वर्ग में उत्पन्न हो जाता है।8
जैन दर्शन के विकास में जीवविज्ञान (biology) का मुख्य आधार रहा है। पुद्गल का विवेचन जीव के सहायक द्रव्य के रूप में हुआ है।
जीव-विकास का चरम बिन्दु है मोक्ष। जेनों का आचारशास्त्र जीव और मोक्ष के अंतराल में विकसित हुआ है। प्रस्तुत शतक में आचार के अनेक पक्ष चर्चित हैं।9 क्रिया से अंत:क्रिया तक उनकी यात्रा करना बहुत महत्त्वपूर्ण है।
प्रस्तुत शतक के 10 उद्देशक हैं। उनमें विषय की क्रमबद्धता नहीं है। एक विषय से संबंध रखने वाले सूत्र अनेक उद्देशकों में उपलब्ध हैं। इसका हैतु यह है कि भगवती में प्रश्नों और उत्तरों का संग्रह है। कर्म के विषय में एक प्रश्न पहले पूछा गया और दूसरा प्रश्न कुछ समय के अंतराल से पूछा गया। उनको उसी रूप में रखा गया है। सूत्रकार ने संकलन-काल में विषय के वर्गीकरण को प्रधानता नहीं दी। प्रस्तुत शतक को पढ़ते समय इस तथ्य की स्मृति रखना आवश्यक है।
पढमं सत : पहला शतक
पढमो उद्देसो : पहला उद्देशक
मूल
मंगल-पदं
1. नमो अरहंताणं,
नमो सिद्धाणं,
नमो आयरियाणं,
नमो उवज्झायाणं,
नमो सव्वसाहूणं।।
2. नमो बंभीए लिवीए।।
संग्रहणी गाहा
रायगिह 1 चलण 2 दुक्खे, 3 कंखपओसे य 4 पगइ 5 पुढवीओ। 6 जावंते 7 नेरइए, 8 बाले 9 गुरुए य 10 चल-णाओ।।1।।
3. नमो सुयस्स।।
संस्कृत छाया
मंगल-पदम्
1. नम: अर्हद्भ्य:
नम: सिद्धेभ्य:
नम: आचार्येभ्य:
नम: उपाध्यायेभ्य:
नम: सर्वसाधुभ्य:।
2. नमो ब्राह्मयै लिप्यै।
संग्रहणी गाथा
राजगृहे चलन: दु:ख:, कांक्षाप्रदोषश्च प्रकृति: पृथिव्य:। यावान् नैरयिक:, बाल: गुरुकश्च चलना:।।
3. नम: श्रुताय।
हिन्दी अनुवाद
मंगल-पद!1
1. अर्हतों को नमस्कार,
सिद्धों को नमस्कार,
आचार्यों को नमस्कार,
उपाध्यायों को नमस्कार,
सब साधुओं को नमस्कार।2
2. ब्राह्मी लिपि को नमस्कार।3
संग्रहणी गाथा
(प्रथम शतक में दस उद्देशक हैं—)राजगृह में (प्रश्नोत्तर—)1. चलमान चलित 2. दु:ख 3. कांक्षाप्रदोष 4. कर्म-प्रकृति 5. पृथ्वियां 6. यावान् 7. नैरयिक 8. बाल 9. गुरुक 10. चलमान चलित।।1।।
3. श्रुत को नमस्कार।4
भाष्य
1. मंगल-पद
प्रस्तुत आगम मंगल-पद के साथ प्रारंभ होता है। इसमें तीन मंगल-सूत्र हैं। प्रथम मंगल में अर्हत्, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और मुनि को नमस्कार किया गया है और दूसरे मंगल में ब्राह्मी लिपि को। इसके बाद संग्रहणी गाथा है और फिर तीसरे मंगल में श्रुत को नमस्कार किया गया है। मंगल का प्रयोजन है—इष्ट अर्थ की प्राप्ति।1 निर्विघ्न रूप से शास्त्र या लौकिक कार्यों की परिसमाप्ति तथा वांछित अभिसिद्धि के लिए जो किया जाता है, वह मंगल है; इसीलिए शास्त्र के आदि, मध्य तथा अंत में मंगल करने का विधान किया गया है। आदि मंगल से शत्रुओं के द्वारा आने वाले विघ्नों का विघात, मध्य मंगल से बिना किसी विक्षेप के शास्त्र की सम्पन्नता तथा अंत मंगल से आयुष्मान् श्रोता की उपलब्धि होती है।2
मुख्य रूप में मंगल दो प्रकार का होता है—द्रव्य-मंगल और भाव-मंगल। लौकिक कार्यों में अक्षत, कुंकुम, दही, नारियल आदि पदार्थ मंगल माने जाते हैं। लोकोत्तर कार्यों में अपने इष्ट देवता का स्मरण ही मंगल है।
प्राचीन आगम-साहित्य में ग्रन्थ के प्रारम्भ में मंगल -विन्यास करने की पद्धति नहीं थी। उत्तरकाल में इस पद्धति का विकास हुआ। वृत्तिकार आचार्य अभयदेवसूरि का अभिमत है कि आगम स्वयं एक मंगल है। उसमें दूसरे-दूसरे मंगलों का समावेश करने का कोई औचित्य नहीं बनता। इससे अनवस्था-दोष की प्राप्ति होती है। फिर भी शिष्य की मति को मंगलमय बनाने तथा शिष्ट परम्परा के निर्वाह के लिए प्रस्तुत सूत्र में ऐसा प्रयत्न किया गया।1 उन्होंने ऐतिहासिक दृष्टि प्रस्तुत नहीं की, केवल प्राचीन परम्परा की ओर ध्यान अवश्य आकर्षित किया है। उन्होंने लिखा है 'पूर्व वृत्तिकार ने पूर्वव्याख्यात नमस्कार-आदि ग्रन्थ की व्याख्या नहीं की। उनके सामने इसका कोई कारण रहा है।'2 यह कारण क्या रहा होगा, इस पर उन्होंने कोई प्रकाश नहीं डाला। हमारे अभिमत से इसका कारण यह है कि मंगल-सूत्र रचनाकालिक नहीं हैं, वे उत्तरकाल में जुड़े हैं। इसीलिए चूर्णि और मूलवृत्ति में वे व्याख्यात नहीं हैं।
प्रस्तुत आगम के पन्द्रहवें शतक के प्रारम्भ में भी मंगल-वाक्य उपलब्ध होता है—नमो सुयदेवयाए भगवईए। अभयदेवसूरि ने इसकी व्याख्या नहीं की है, इससे लगता है कि प्रारम्भ के मंगल-वाक्य, लिपिकारों या अन्य किसी आचार्य ने, वृत्ति की रचना से पूर्व जोड़ दिये थे और मध्यवर्ती-मंगल वृत्ति की रचना के बाद जुड़ा। पन्द्रहवें शतक का पाठ विघ्नकारक माना जाता था, इसलिए इस अध्ययन के साथ मंगल-वाक्य जोड़ा गया, यह बहुत संभव है। मंगल-वाक्य के प्रक्षिप्त होने की बात अन्य आगमों से भी पृष्ट होती है।
दशाश्रुतस्कंध की वृत्ति में मंगल-वाक्य के रूप में नमस्कार-मंत्र व्याख्यात है, किन्तु चूर्णि में वह व्याख्यात नहीं है। इससे स्पष्ट है कि चूर्णि के रचनाकाल में वह प्रतियों में उपलब्ध नहीं था और वृत्ति की रचना से पूर्व वह उनमें जुड़ गया था। पज्जोसणाकप्पो (कल्पसूत्र) दसाओ का आठवां अध्ययन है। उसके प्रारम्भ में भी नमस्कार-मंत्र लिखा हुआ मिलता है। आगम-अनुसंधाता मुनि पुण्यविजयजी ने इसे प्रक्षिप्त माना है। उनके अनुसार प्राचीनतम ताड़पत्रीय प्रतियों में यह उपलब्ध नहीं है और वृत्ति में भी व्याख्यात नहीं है। यह अष्टम अध्ययन होने के कारण इसमें मध्य मंगल भी नहीं हो सकता। इसलिए यह प्रक्षिप्त है।3 पण्णवणा के प्रारंभ में भी नमस्कार-मंत्र लिखा हुआ है, किन्तु हरिभद्रसूरि और मलयगिरि—इन दोनों व्याख्याकारों के द्वारा यह व्याख्यात नहीं है।
पण्णवणा के रचनाकार श्री श्यामार्य ने मंगल-वाक्य-पूर्वक रचना का प्रारम्भ किया है।4 इससे ज्ञात होता है कि ई.पू. पहली शताब्दी के आसपास आगम-रचना से पूर्व मंगल-वाक्य लिखने की पद्धति प्रचलित हो गयी। प्रज्ञापनाकार का मंगल-वाक्य उनके द्वारा रचित है। इसे 'निबद्ध-मंगल' कहा जाता है। दूसरों के द्वारा रचे हुए मंगल-वाक्य उद्धृत करने को 'अनिबद्ध-मंगल' कहा जाता है।5 प्रति-लेखकों ने अपने प्रति-लेखन में कहीं-कहीं 'अनिबद्ध-मंगल' का प्रयोग किया है। इसीलिए मंगल-वाक्य लिखने की परम्परा का सही समय खोज निकालना कुछ जटिल हो गया।
प्रस्तुत आगम पांचवां अंग-आगम है। उपलब्ध आयारो आदि ग्यारह अंग-आगमों में प्रस्तुत आगम को छोड़कर किसी भी अंग-आगम के प्रारम्भ में नमस्कार-मंगल उपलब्ध नहीं है। वहां प्रारम्भ में सीधे ही आगम का प्रारम्भ-वाक्य है :
सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं-(आयारो, 1|1)
बुज्झेज्ज तिउटेज्जा, बंधणं परिजाणिया।-(सूयगडो, 1|1|1)
सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं-(ठाणं, 1|1)
सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं-(समवाओ, 1|1)
तेणं कालेणं तेणं समएणं चंपा नामं नयरी होत्था।-(नायाधम्मकहाओ, 1|1|1)
तेणं कालेणं तेणं समएणं चंपा नामं नयरी—(उवासगदसाओ, 1|1)
तेणं कालेणं तेणं समएणं चंपा नामं नयरी।—(अंतगडदसाओ, 1|1)
तेणं कालेणं तेणं समएणं रायगिहे नयरे।—(अणुत्तरोववाइयदसाओ, 1|1)
जंबू! इणमो अण्हय-संवर-विणिच्छयं पवयणस्स निस्संदं।—(पण्हावागरणाइं, 1|1 )
तेणं कालेणं तेणं समएणं चंपा नामं नयरी होत्था—(विवागसुयं, 1|1)
आयारो आदि अंगों के प्रारम्भिक सूत्रों का अध्ययन करने पर यह प्रश्न उपस्थित होता है कि केवल प्रस्तुत अंग के प्रारम्भ में ही नमस्कार-मंगल का विन्यास क्यों? इसका उत्तर पाना कठिन नहीं है। लगता है, रचनाकाल में प्रस्तुत आगम का प्रारम्भ भी 'तेणं कालेणं तेणं समएणं रायगिहे नामं नयरे होत्था' इस वाक्य से ही था, किन्तु लिपिकारों द्वारा लिखित नमस्कार-मंगल-सूत्र मूल के साथ जुड़ गये और उन्हें मौलिक अंग मान लिया गया।
2. अर्हतों को नमस्कार......सब साधुओं को नमस्कार नमस्कार महामंत्र के पाठ-भेद
नमस्कार महामंत्र का बहुत प्रचलित पाठ यह है—णमो अरहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्वसाहूणं।
प्राचीन ग्रन्थों में इसके अनेक पदों एवं वाक्यों के पाठान्तर मिलते हैं—
णमो-नमो।
अरहंताणं—अरिहंताणं, अरुहंताणं।
आयरियाणं—आइरियाणं।
णमो लोए सव्वसाहूणं—णमो सव्वसाहृणं।
नमो अरहंतानं, नमो सवसिधानं।
पाठान्तर-विमर्श
णमो, नमो—प्राकृत में आदि में 'न' का 'ण' विकल्प से होता है, इसलिए नमो, णमो—ये दोनों रूप मिलते हैं।
अरहंताणं, अरिहंताणं—प्राकृत में अर्ह धातु के दोनों रूप बनते हें-अरहइ, अरिहइ। अरहंताणं और अरिहंताणं—ये दोनों 'अर्ह' धातु के शतृप्रत्ययांत रूप हैं। अरहंत और अरिहंत—इन दोनों में कोई अर्थभेद नहीं है। व्याख्याकारों ने अरिहंत शब्द को संस्कृत की दृष्टि से देखकर उसमें अर्थभेद किया है। अरि+हन्ता=शत्रु का हनन करने वाला। यह अर्थ शब्द-साम्य के कारण किया गया है। आवश्यक-निर्युक्ति में यह अर्थ उपलब्ध है।1 अर्हता का अर्थ इसके बाद किया गया है। इस अर्थभेद के होने पर अरहंत और अरिहंत ये एक ही धातु के दो रूपों में निष्पन्न दो शब्द नहीं होते, किन्तु भिन्न-भिन्न अर्थ वाले दो शब्द बन जाते हैं।
आवश्यक सूत्र के निर्युक्तिकार ने अरहंत, अरिहंत के तीन अर्थ किये हैं—
1. पूजा की अर्हता होने के कारण अरहंत।2
2. अरि का हनन करने के कारण अरिहंत।
3. रज-कर्म का हनन करने के कारण अरिहंत।3
वीरसेनाचार्य ने अरिहंताणं पद के चार अर्थ किये हैं—
1. अरि का हनन करने के कारण अरिहंत।
2. रज का हनन करने के कारण अरिहंत।
3. रहस्य के अभाव से अरिहंत।
4. अतिशय पूजा की अर्हता होने के कारण अरिहंत।4
प्रथम तीन अर्थ अरि+हंता—इन दो पदों के आधार पर किये गए हैं और चौथा अर्थ अर्ह धातु के अर्हता पद के आधार पर किया गया है।
भाषा की दृष्टि से नमो और णमो तथा अरहंताणं और अरिहंताणं—इन दो में मात्र रूपभेद है, किन्तु मंत्रशास्त्रीय दृष्टि से 'न' और 'ण' के उच्चारण की भिन्न-भिन्न प्रतिक्रिया होती है।5 'ण' मूर्धन्य वर्ण है। इसके उच्चारण से जो घर्षण होता है, जो मस्तिष्कीय प्राण-विद्युत् का संचार होता है, वह 'न' के उच्चारण से नहीं होता।
अरहंताणं के अकार और अरिहंताणं के इकार का भी मंत्रशास्त्रीय अर्थ एक नहीं है। मंत्रशास्त्र के अनुसार अकार का वर्ण स्वर्णिम और स्वाद नमकीन होता है तथा इकार का वर्ण स्वर्णिम और स्वाद कषैला होता है। अकार पुल्लिंग और इकार नपुंसकलिंग होता है।
अरुहंताणं-यह पाठ-भेद भगवती सूत्र की वृत्ति में व्याख्यात है। वृत्तिकार अभयदेवसूरि ने इसका अर्थ 'अपुनर्भव' किया है। जैसे बीज के अत्यन्त दग्ध होने पर इससे अंकुर नहीं फूटता, वैसे ही कर्म-बीज के अत्यन्त दग्ध हो जाने पर भवांकुर नहीं फूटता।6
आवश्यक-निर्युक्ति और धवला में अरुहंत पाठ व्याख्यात नहीं है। इससे प्रतीत होता है कि यह पाठान्तर उनके उत्तरकाल में बना है। ऐसी अनुश्रुति भी है कि यह पाठान्तर तमिल और कन्नड़ भाषा के प्रभाव से हुआ है। किन्तु इसकी पुष्टि के लिए कोई स्पष्ट प्रमाण प्राप्त नहीं है।
अरुह शब्द का प्रयोग आचार्य कुन्दकुन्द के साहित्य में मिलता है। उन्होंने अरुहंत और अरहंत का एक ही अर्थ में प्रयोग किया है। वे दक्षिण के थे, इसलिए अरहंत के अर्थ में अरुह का प्रयोग दक्षिण के उच्चारण से प्रभावित है, इस उपपत्ति की पुष्टि होती है। बोधपाहुड में उन्होंने 'अर्हत्' का वर्णन किया है। उसमें 28,29,30,32—इन चार गाथाओं में अरहंत का प्रयोग है और 31,34,36,39,41—इन पांच गाथाओं में अरुह का प्रयोग है।
आचार्य हेमचन्द्र ने उपलब्ध प्रयोगों के आधार पर अर्हत् शब्द के तीन रूप सिद्ध किये हैं—'अरुहो, अरहो, अरिहो, अरुहन्तो, अरहन्तो, अरिहंतो।1
डॉ. पिशेल ने अरहा, अरिहा, अरुहा और अरिहन्त का विभिन्न भाषाओं की दृष्टि से अध्ययन प्रस्तुत किया है2—
अरहा, अरहन्त—अद्धमागधी
अरिहा—शौरसेनी
अरुहा—जैन महाराष्ट्री
अलिहंताणं—मागधी
आयरियाणं, आइरियाणं—आगम साहित्य में यकार के स्थान में इकार के प्रयोग मिलते हैं—वयगुत्त—वइगुत्त। वयर—वइर। इस प्रकार आयरिय और आइरिय में रूपभेद हैं।
णमो लोए सव्वसाहुणं, णमो सव्वसाहणं—अभयदेवसूरि के अनुसार भगवती सूत्र के मंगल-वाक्य के रूप में उपलब्ध नमस्कार मंत्र का पांचवां पद 'णमो सव्वसाहूणं' है। 'णमो लोए सव्वसाहणं' का उन्होंने पाठान्तर के रूप में उल्लेख किया है—'नमो लोए सव्वसाहणं' ति क्वचित्पाठ:।3 इस पाठान्तर की व्याख्या में उन्होंने बताया है कि 'सर्व' शब्द आंशिक सर्व के अर्थ में भी प्रयुक्त होता है। अत: परिपूर्ण सर्व का बोध कराने के लिए इस पाठान्तर में 'लोक' शब्द का प्रयोग किया गया है।4 'लोक' और 'सर्व'—इन दोनों शब्दों के होने पर यह प्रश्न होना स्वाभाविक ही है और अभयदेवसूरि ने इसी का समाधान किया है।
दशाश्रुतस्कंध के वृत्तिकार ब्रह्मऋषि ने भी णमो लोए सव्वसाहुणं को पाठान्तर के रूप में व्याख्यात किया है।5 इसकी व्याख्या में वे अभयदेवसूरि का अक्षरश: अनुसरण करते हैं।
हमने अभयदेवसूरि की वृत्ति के आधार पर भगवती सूत्र में णमो सव्वसाहूणं को मूल पाठ और णमो लोए सव्वसाहूणं को पाठान्तर स्वीकृत किया है। इसका यह अर्थ नहीं है कि णमो लोए सव्वसाहुणं सर्वत्र पाठान्तर है। आवस्सयं में हमने णमो लोए सव्वसाहणं को ही मूल पाठ माना है। हमने आगम-अनुसंधान की जो पद्धति निर्धारित की है, उसके अनुसार हम प्राचीनतम प्रति या चूर्णि, वृत्ति आदि व्याख्या में उपलब्ध पाठ को प्राथमिकता देते हैं। सबसे अधिक प्राथमिकता आगम में उपलब्ध पाठ को देते हैं। आगम के द्वारा आगम के पाठ-संशोधन में सर्वाधिक प्रामाणिकता प्रतीत होती है। इस पद्धति के अनुसार हमें सर्वत्र 'णमो लोए सव्वसाहूणं' इसे मूलपाठ के रूप में स्वीकृत करना चाहिए था, किन्तु नमस्कार मन्त्र किस आगम का मूलपाठ है, इसका निर्णय अभी नहीं हो पाया है। यह जहां कहीं उपलब्ध है, वहां ग्रन्थ के अवयव के रूप में उपलब्ध नहीं है, मंगल-वाक्य के रूप में उपलब्ध है। आवस्सयं के प्रारंभ में नमस्कार मन्त्र मिलता है। किन्तु वह आवस्सयं का अंग नहीं है। आवस्सयं के मूल अंग सामायिक, चतुर्विंशस्तव आदि हैं। इस दृष्टि से भगवती सूत्र में नमस्कार मंत्र का जो प्राचीन रूप हमें मिला, वही हमने मूलरूप में स्वीकृत किया। अभयदेवसूरि की व्याख्या से प्राचीन या उसके समकालीन कोई भी प्रति प्राप्त नहीं है। यह वृत्ति ही सबसे प्राचीन है। इसलिए वृत्तिकार द्वारा निर्दिष्ट पाठ और पाठान्तर को स्वीकार करना ही उचित प्रतीत हुआ।
नमो अरहंतानं, नमो सव-सिधानं—यह पाठान्तर खारवेल के हाथीगुंफा लेख में मिलता है।6 इसमें अंतिम नकार भी णकार नहीं है, सिद्ध के साथ सर्व शब्द का योग है और 'सिधानं' में द्वित्व 'ध' प्रयुक्त नहीं है। यह पाठ भी बहुत पुराना है, इसलिए इसे भी उपेक्षित नहीं किया जा सकता।
नमस्कार महामन्त्र का मूल स्रोत और कर्ता
नमस्कार महामन्त्र आदि-मंगल के रूप में अनेक आगमों और ग्रन्थों में उपलब्ध होता है, किन्तु इससे उसके मूल स्रोत का पता नहीं चलता। महानिशीथ में लिखा है कि पंचमंगल-महाश्रुतस्कंध का व्याख्यान सूत्र की निर्युक्ति, भाष्य और चूर्णियों में किया गया था और वह व्याख्यान तीर्थकरों के द्वारा प्राप्त हुआ था। कालदोष से वे निर्युक्ति, भाष्य और चूर्णियां विच्छिन्न हो गयीं। फिर कुछ समय बाद वज्रस्वामी ने नमस्कार महामन्त्र का उद्धार कर उसे मूल सूत्र में स्थापित किया। यह बात वृद्ध सम्प्रदाय के आधार पर लिखी गयी है।7 इससे भी नमस्कार मंत्र के मूल स्रोत पर कोई प्रकाश नहीं पड़ता।
आवश्यक-निर्युक्ति में वज्रसूरि के प्रकरण में उक्त घटना का उल्लेख भी नहीं है। वज्रसूरि दसपूर्वधर हए हैं। उनका अस्तित्वकाल ई.पू. पहली शताब्दी है। शय्यंभवसूरि चतुर्दशपूर्वधर हुए हैं और उनका अस्तित्वकाल ई.पू. 5-6 शताब्दी है। उन्होंने कायोत्सर्ग को 'नमस्कार' के द्वारा पूर्ण करने का निर्देश किया है।1 दशवैकालिक सूत्र की दोनों चूर्णियों और हारिभद्रीय वृत्ति में 'नमस्कार' की व्याख्या 'णमो अरहंताणं' मंत्र के रूप में की है।2
आचार्य वीरसेन ने षट्खण्डागम के प्रारम्भ में दिए गए नमस्कार मंत्र को निबद्धमंगल बतलाया है।3 इसका फलित यह होता है कि नमस्कार महामंत्र के कर्ता षट्खण्डागम के रचयिता आचार्य पुष्पदन्त हैं। आचार्य वीरसेन ने यह किस आधार पर लिखा, इसका कोई अन्य प्रमाण उपलब्ध नहीं होता। जैसे भगवती सूत्र की प्रतियों के प्रारम्भ में नमस्कार महामंत्र लिखा हुआ था और अभयदेवसूरि ने उसे सूत्र का अंग मानकर उसकी व्याख्या की, वैसे ही आचार्य पुष्पदन्त को उसका कर्ता बतला दिया। आचार्य पुष्पदन्त का अस्तित्वकाल वीर-निर्वाण की सातवीं शताब्दी (ई. पहली शताब्दी) है। खारवेल का शिलालेख ई.पू. 152 का है। उसमें नमो अरहंताणं नमो सवसिधानं—ये पद मिलते हैं। इससे नमस्कार महामंत्र का अस्तित्वकाल आचार्य पुष्पदन्त से बहुत पहले चला जाता है। शय्यंभवसूरि का दसवेआलियं में प्राप्त निर्देश भी इसी ओर संकेत करता है। भगवान् महावीर दीक्षित हुए तब उन्होंने सिद्धों को नमस्कार किया था।4 उत्तरज्झयणाणि के बीसवें अध्ययन के प्रारम्भ में सिद्धाणं नमो किच्चा, संजयाण च भावओ—सिद्धों और साधुओं को नमस्कार किया गया है। इन सबसे यह निष्कर्ष निकलता है कि नमस्कार की परिपाटी बहुत पुरानी है, किन्तु भगवान् महावीर के काल में पंचमंगलात्मक नमस्कार मंत्र प्रचलित था या नहीं—इस प्रश्न का निश्चयात्मक उत्तर देना सरल नहीं है। महानिशीथ के उक्त प्रसंग के आधार पर कहा जा सकता है कि वर्तमान स्वरूप वाला नमस्कार महामंत्र भगवान् महावीर के समय में प्रचलित था। किन्तु उसकी पुष्टि के लिए कोई दूसरा प्रमाण अपेक्षित है। आवश्यक-निर्युक्ति में एक महत्त्वपूर्ण सूचना मिलती है। निर्युक्तिकार ने लिखा है—पंचपरमेष्ठियों को नमस्कार कर सामायिक करना चाहिए। यह पंचनमस्कार सामायिक का ही एक अंग है।5
इससे यह निष्कर्ष निकलता है कि नमस्कार महामंत्र उतना ही पुराना है जितना सामायिक-सूत्र। सामायिक आवस्सयं का प्रथम अध्ययन है। नंदी में आई हुई आगम की सूची में उसका उल्लेख है। नमस्कार महामंत्र का वहां एक श्रुतस्कन्ध या महाश्रुतस्कन्ध के रूप में कोई उल्लेख नहीं है। इससे भी अनुमान किया जा सकता है कि यह सामायिक अध्ययन का एक अंगभूत रहा है। सामायिक के प्रारम्भ में और उसके अन्त में पंचपरमेष्ठी को नमस्कार किया जाता था। कायोत्सर्ग के प्रारम्भ और अन्त में भी पंचनमस्कार की पद्धति प्रचलित थी। आचार्य भद्रबाहु के अनुसार नंदी और अणुओगदाराइंको जानकर तथा पंचमंगल को नमस्कार कर सूत्र का प्रारम्भ किया जाता है।6 संभव है इसीलिए अनेक आगमसूत्रों के प्रारम्भ में नमस्कार महामंत्र लिखने की पद्धति प्रचलित हुई। जिनभद्रगणी क्षमाश्रमण ने उसी आधार पर नमस्कार महामंत्र को सर्वश्रुतान्तर्गत बतलाया।7 उनके अनुसार पंचनमस्कार करने पर ही आचार्य सामायिक आदि आवश्यक और क्रमश: शेष श्रुत शिष्यों को पढ़ाते थे। प्रारम्भ में नमस्कार मंत्र का पाठ देने और उसके बाद आवस्सयं का पाठ देने की पद्धति थी।8 इस प्रकार अन्य सूत्रों के प्रारम्भ में भी नमस्कार मंत्र का पाठ किया जाता था। इस दृष्टि से उसे सर्वश्रुताभ्यन्तरवर्ती कहा गया। फिर भी नमस्कार मंत्र को जसे सामायिक का अंग बतलाया है, वैसे किसी अन्य आगम का अंग नहीं बताया गया है। इस दृष्टि से नमस्कार महामंत्र का मूल स्रोत सामायिक अध्ययन ही सिद्ध होता है। आवस्सयं या सामायिक अध्ययन के कर्ता यदि गौतम गणधर को माना जाए, तो पंचमंगल रूप नमस्कार महामंत्र के कर्ता भी गौतम गणधर ही ठहरते हैं।
3. ब्राह्मी लिपि को नमस्कार
लिपि का अर्थ है—अक्षर-विन्यास। नंदी में अक्षर के तीन प्रकार बतलाए गए हैं—1. संज्ञाक्षर 2. व्यञ्जनाक्षर और 3. लब्ध्यक्षर।9
पट्टिका या पत्र आदि पर होने वाली अक्षर की संस्थानाकृति (अक्षरों की लिखावट) का नाम संज्ञाक्षर है।1 संज्ञाक्षर, लिपि और वर्णविन्यास—ये सब पर्यायवाची हैं।
मनुष्य के चिंतन, स्मृति और कल्पना का माध्यम है भाषा। वह अक्षरात्मक होती है। शब्द और अर्थ की पर्यालोचना कर मनुष्य जानता है, वह लब्ध्यक्षर है। अपनी जानी हुई बात का उच्चारण करता है, वह व्यञ्जनाक्षर है। उसे आकार देता है, वह संज्ञाक्षर है। इससे फलित होता है कि मनुष्य ने सबसे पहले जानना सीखा, फिर बोलना और उसके पश्चात् लिखना। मनुष्य के पास अपने भावों को अभिव्यक्ति देने के दो बड़े माध्यम हैं—उच्चारण और अक्षर-विन्यास।
जैन साहित्य के प्राग्-ऐतिहासिक सन्दर्भों के अनुसार ब्राह्मी लिपि का संबंध भगवान् ऋषभ के साथ जुड़ता है। भगवान् ऋषभ ने दाएं हाथ से ब्राह्मी को अठारह लिपियों का ज्ञान कराया और बाएं हाथ से सुन्दरी को गणित-विद्या सिखाई।2 दिगम्बर आचार्य जिनसेन ने भी इसका उल्लेख किया है।3 माना जाता है कि ब्राह्मी को लिपि का ज्ञान कराया, इसलिए उस लिपि का नाम 'ब्राह्मी' हो गया। किन्तु यह मत भी मीमांसनीय है। ब्राह्मी को अठारह लिपि का ज्ञान कराया गया। उनमें से केवल एक लिपि का नाम ब्राह्मी है, शेष सब के नाम स्वतंत्र हैं। समवाओ में ब्राह्मी लिपि के अठारह प्रकार बतलाए गए हैं : 1. ब्राह्मी 2. यवनानी 3. दोसउरिया 4. खरोष्ट्रिका 5. खरशाहिका 6. प्रभाराजिका 7. उच्चतरिका 8. अक्षरिपृष्टिका 9. भोगवतिका 10. वैनतिकी 11. निह्विका 12. अंकलिपि 13. गणितलिपि 14. गंधर्वलिपि 15. आदर्शलिपि 16. माहेश्वरी 17. द्राविडी 18. पोलिंदी।4 इसके आधार पर यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि ब्राह्मी प्रथम या प्राचीनतम लिपि है। अन्य लिपियों का उसके आधार पर विकास हुआ है। इसलिए शेष सत्तरह लिपियों को ब्राह्मी लिपि का परिवार कहा जा सकता है। भगवान् ऋषभ ने ब्राह्मी को लिपि सिखाई; इसलिए उसका नाम ब्राह्मी हो गया, यह बात संगत हो सकती है, किन्तु भगवान् ने ब्राह्मी को अठारह लिपियां सिखाई; इसलिए लिपि का नाम ब्राह्मी प्रचलित हो गया5, यह बात तर्कसंगत नहीं लगती।
ब्राह्मी लिपि के नामकरण के विषय में अनेक कल्पनाएं मिलती हैं।6 किन्तु ऐतिहासिक आधार पर कुछ भी कहा जा सके, यह कठिन है। फिर भी इतना कहा जा सकता है कि प्राकृत भाषा और ब्राह्मी लिपि परस्पर संबंधित रही हैं। भाषा-आर्य वे होते हैं जो अर्धमागधी (प्राकृत) बोलते हैं और जिनकी लिपि ब्राह्मी होती है।7 जैन आचार्यों ने जैसे प्राकृत भाषा को माध्यम बनाया, वैसे ही ब्राह्मी लिपि को भी माध्यम बनाया; इसीलिए प्रस्तुत आगम के प्रारम्भ में ब्राह्मी लिपि के नमस्कार का उल्लेख जुड़ा हुआ है।
जयाचार्य ने वृत्तिकार के मत की मीमांसा की है। उन्होंने लिखा है— ''वृत्तिकार ने लिपि का अर्थ अक्षर-विन्यास किया है। अक्षर-विन्यास को नमस्कार कैसे किया जा सकता है? निक्षेप की दृष्टि से लिपि के दो प्रकार हो जाते हैं—द्रव्यलिपि और भावलिपि। द्रव्यलिपि अक्षरात्मक और भावलिपि अक्षरज्ञानात्मक होती है।'' जयाचार्य ने नयदृष्टि से विचार करते हुए लिखा है कि जैसे एवंभूत नय की दृष्टि से प्रस्थक के कर्ता को प्रस्थक कहा जाता है, वैसे ही यहां लिपिकर्ता भगवान् ऋषभ को लिपि मानकर उन्हें नमस्कार किया गया है।8
4. श्रुत को नमस्कार
जैन दर्शन की ज्ञानमीमांसा में ज्ञान के पांच प्रकार प्रज्ञप्त हैं। उनमें दूसरा ज्ञान है श्रुतज्ञान। उसके दो भेद हैं—द्रव्यश्रुत और भावश्रुत। लिपि और उच्चारण—ये दोनों ट्रव्यश्रुत हैं। उनसे होने वाला अर्थबोध भावश्रुत है।
वृत्तिकार ने यहां श्रुत का अर्थ द्वादशांगी या अर्हत्प्रवचन किया है।1 एक प्रश्न उपस्थित हुआ—मंगल के लिए इष्ट देवता को नमस्कार किया जाता है। श्रुत इष्ट देवता नहीं है, फिर उसे नमस्कार क्यों? इसके समाधान में वृत्तिकार ने लिखा है—श्रुत इष्ट देवता ही है, क्योंकि अर्हद् भी उसे नमस्कार करते हैं। अर्हद् जैसे सिद्ध को नमस्कार करते हैं, वैसे श्रुत को भी नमस्कार करते हैं। इसके समर्थन में उन्होंने 'नमस्तीर्थाय' इस वाक्य को उद्धृत किया है। तीर्थ का अर्थ श्रुत है। उसका आधार होने के कारण संघ भी तीर्थ कहलाता है।2
श्रुत इष्ट देवता ही है। वृत्तिकार के इस अभिमत का समर्थन दिगम्बर-साहित्य में भी मिलता है—आप्त पुरुषों ने जिनवाणी और जिनदेव में किञ्चिद् भी अन्तर नहीं बतलाया है। इसलिए जिनवाणी की सभक्ति पूजा करने वाला परमार्थत: जिनदेव की ही पूजा करता है।3
अर्हत् सिद्धों को नमस्कार करते हैं, इसका समर्थन आयारचूला से होता है।4 अर्हत् तीर्थ को नमस्कार करते हैं, यह मत आगम के द्वारा समर्थित नहीं है, यह आगम-युग के बाद की अवधारणा है। अर्हत् अर्हत्-प्रवचन को नमस्कार करे, इसमें अन्तर्विरोध है। अर्हत्-प्रवचन द्रव्यश्रुत है, ज्ञान का निमित्त है। जयाचार्य ने निमित्त को नमस्कार करने की समीक्षा की है।5
मूल
उक्खेव-पदं
4. तेणं कालेणं तेणं समएणं रायगिहे
नामं नयरे होत्था—वण्णओ।।
संस्कृत छाया
उत्क्षेप-पदम्
तस्मिन् काले तस्मिन् समये राजगृहं नाम नगरम् आसीद्—वर्णक:।
हिन्दी अनुवाद
उत्क्षेप-पद्
4. उस काल और उस समय में1 राजगृह नाम का नगर था2—(नगर का) वर्णन।3
भाष्य
1. उस काल और उस समय में
यहां काल और समय दो शब्दों का प्रयोग हुआ है। काल प्रलम्ब कालखण्ड का और समय निश्चित कालावधि का सूचक है। वृत्तिकार के अनुसार 'काल' पद के द्वारा वर्तमान अवसर्पिणी के चतुर्थ विभाग का बोध होता है और 'समय' पद के द्वारा उस कालखण्ड का बोध होता है जिसमें भगवान् महावीर ने प्रवचन किया था।
उक्त दोनों पदों पर नय-दृष्टि से विचार करना उपयुक्त होगा। समभिरूढ नय की दृष्टि से कोई भी दो शब्द एकार्थक नहीं होते। प्रत्येक शब्द का अपना स्वतंत्र अर्थ होता है। एक अर्थ को बताने के लिए अनेक पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग आगम-संरचना की एक शैली है। अनेक देशों के शिष्यों को समझाने के लिए तत्तद्-देश-प्रचलित अनेक समानार्थक शब्दों का प्रयोग किया जाता था।
शब्दकोश के विकास की दृष्टि से अनेक शब्द प्रयुक्त किये जाते थे। अत: शब्द-नय की दृष्टि से इसका प्रयोग वांछनीय है।
2. राजगृह नाम का नगर था
'तेणं कालेणं तेणं समएणं रायगिहे नामं नयरे होत्था' में देश और काल का निर्देश है। आइंस्टीन के सापेक्षवाद के अनुसार देश और काल से निरपेक्ष किसी भी वस्तु को समझा नहीं जा सकता। जर्मन दार्शनिक इम्मेन्युअल काण्ट ने भी देश और काल को बहुत महत्त्व दिया है। आचार्य सिद्धसेन दिवाकर ने अर्थबोध के लिए कम से कम द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव, पर्याय, देश, संयोग और भेद—इन आठ नयों को अनिवार्य माना है।6 राजगृह का परिवर्तित रूप आज राजगिर है। पांच पर्वतों से घिरा हुआ यह नगर भगवान् महावीर का मुख्य विहार-क्षेत्र था। यहां भगवान् ने चौदह चातुर्मास-प्रवास किए थे। प्रस्तुत आगम में राजगृह का अनेक बार उल्लेख हुआ है। यहां के संवाद और पूछे गये प्रश्नों के उत्तर सर्वाधिक संख्या में संकलित हैं। अत: प्रस्तुत आगम को राजगृह का प्रवचन कहा जा सकता है। वृत्तिकार ने प्रश्न उपस्थित किया है—'राजगृह' वर्तमान में विद्यमान है, फिर उसके लिए 'होत्था' इस अतीतकालीन क्रिया का प्रयोग क्यों किया गया? इसके समाधान में उन्होंने लिखा है कि भगवान् महावीर के समय में वह जिस वैभव से सम्पन्न था, वैसा सुधर्मा के काल में नहीं रहा।7 इसका यह समाधान अधिक स्वाभाविक होगा कि पर्यायार्थिक दृष्टि से महावीर के साथ किए गए संवाद के समय जो राजगृह था, वह रचना-काल के समय परिवर्तित हो चुका था।
3. वर्णनवाची आलापक
अढाई हजार वर्ष पहले लेखन की प्रणाली बहुत कम प्रचलित थी। मध्यकाल में लेखन की पद्धति चली। किन्तु हस्त-लेखन का कार्य बहुत जटिल था। ग्रन्थ-गौरव से बचने तथा लेखन की सुविधा की दृष्टि से सूत्र-शैली का विकास हुआ।1 'वर्णक' उसी का प्रतीक है। इस पद के द्वारा अनपेक्षित वर्णन से बचा जा सकता है। ओवाइयं की रचना इसी उद्देश्य से हुई थी। उसमें नगर, उद्यान, राजा आदि के वर्णन प्राप्त हैं। प्रस्तुत आगम में अनेक स्थानों पर 'वण्णओ' का प्रयोग किया गया है।
वर्णन को भी शैलीगत माना जा सकता है। सभी नगर और सभी चैत्य एक जैसे नहीं होते, जैसे—काव्यानुशासन में कवि-समय (काव्य-सिद्धान्त) सत्य होता है। उसके अनुसार जलाशयमात्र में कमल का वर्णन किया जा सकता है। इसी प्रकार नगर आदि का वर्णन रचनाशैलीगत सत्य है। इसलिए प्रत्येक नगर के साथ इस वर्णन की आयोजना की जा सकती है।
मूल
5. तस्स णं रायगिहस्स नगरस्स बहिया उत्तरपुरत्थिमे दिसीभागे गुणसिलए नामं चेइए होत्था।।
संस्कृत छाया
5. तस्य राजगृहस्य नगरस्य बहिस्ताद् उत्तरपौरस्त्ये दिग्भागे गुणशिलकं नाम चैत्यम् आसीत्।
हिन्दी अनुवाद
5. उस राजगृह नगर के बाहर उत्तरपूर्व दिशा-भाग में गुणशिलक नाम का चैत्य1 था।
भाष्य
1. चैत्य
'चैत्य' शब्द के अनेक अर्थ होते हैं—चिता संबंधी, प्रत्येक आत्मा, वल्मीक (चींटी आदि की चाली हुई मिट्टी का ढेर) सीमाचिह्न बनाने वाले पत्थरों का निर्मित ढेर, स्मारक, समाधि-मंदिर, यज्ञशाला, धर्मस्थान, वेदिका, मृगवन, मंदिर, प्रतिबिम्ब, 'उदुम्बर, पीपल, वट आदि धार्मिक वृक्ष', सड़क के किनारे उगने वाले कोई भी वृक्ष।2
आगम-साहित्य में यह अनेक स्थानों में प्रयुक्त हुआ है, जिसके विभिन्न अर्थ आगम के व्याख्या-ग्रन्थों में उपलब्ध होते हैं; जैसे—
1. व्यन्तर का आयतन—(क) चितेर्लेप्यादिचयनस्य भाव: कर्म्म वेति चेत्यं—सञ्ज्ञाशब्दत्वाद्देवबिम्बं तदाश्रयत्वाद् तद्गृहमपि चैत्यं तच्चेह व्यन्तरायतनम्।3 (ख) चैत्यं—व्यन्तरायतनम्।4
2. इष्ट देवता की प्रतिमा—चैत्यं—इष्टदेवता प्रतिमा।5
3. उद्यान—चैत्यम्—उद्यानम्।6
4. चित्त को आह्लादित करने वाला—चैत्या: चैत्ताल्हादका:।7
5. इष्ट देवता का आयतन—चैत्यं च इष्टदेवतायतनम्।8
6. पण्हावागरणाइं में 'चेइयट्ठे' पाठ प्राप्त होता है।9
श्रीमज्जयाचार्य ने यहां प्रयुक्त 'चेइय' शब्द के दो अर्थ किये हैं—पहला ज्ञान और दूसरा केवली।10 उन्होंने चैत्य के 'केवली' अर्थ की पुष्टि के लिए रायपसेणइयं का पाठ उद्धृत किया है, जिसमें भगवान् महावीर को चेइय कहा गया है।11 इसकी वृत्ति में मलयगिरि ने लिखा है—चैत्यं सुप्रशस्तमनोहेतुत्वात्12—सुप्रशस्तमन का हेतुभूत।
भगवती के वृत्तिकार के अनुसार चैत्य शब्द यहां व्यन्तरायतन के अर्थ में प्रयुक्त है।
1. सूत्र 191-199
2. सूत्र 291
3. सूत्र 440
4. द्रष्टव्य सूत्र 312, 313 का भाष्य
5. जीवविद्या के लिए द्रष्टव्य सूत्र—
जीवन का स्थिति-काल—13-15, 32
सम-आहार, सम-शरीर आदि—60-100
संसार-संस्थान काल—103-111
स्थिति-स्थान—216-254 कर्म-प्रकृति—174
स्नेहकाय—314-316 कर्म-मोक्ष—189, 190
आयुष्य—359-363, 420, 421
वीर्य—375-382, 397-399
जीव और लेश्या—101, 102, 408-416
गुरुत्व-लघुत्व—384-391
जीव और पुद्गल—16-27
कर्मविद्या के लिए द्रष्टव्य सूत्र—
चलित-अचलित—28-31
कर्म-वेदन—53-59
उपस्थापन, अवक्रमण—175-188
कांक्षामोहनीय—118-130, 140-172
जय-पराजय—373, 374, 407
1. भगवद्गीता 2122
2. सूत्र 335-338
3. सूत्र 339
4. सूत्र 340-343
5. सूत्र 39-43, 48-50, 113-116, 318-334
6. द्रष्टव्य सूत्र 340-349 का भाष्य
7. सूत्र 353, 354
8. सूत्र 353-356
9. द्रष्टव्य सूत्र—
क्रिया—276-286, 364-372, 434, 435, 444, 445
आरम्भ अनारम्भ—33-38
श्रद्धा—131, 132
लाघव—417, 418
सामायिक—423-433
साधु और मोक्ष—44-47, 200-209
अंतकर—419
अंत:क्रिया112
1. प्रज्ञा.वृ.प. 1—
मंगलं चैव शास्त्रादौ, वाच्यमिष्टार्थसिद्धये।।
2. (क) वि.भा.गा. 13,14—
तं मंगलमाईए मज्झे, पज्जंतए य सत्थस्स।
पढमं सत्थत्थाऽविग्घपारगमणाय णिद्दिटुं।।
तस्सेव य थेज्जत्थं, मज्झिमयं अन्तिमं पि तस्सेव।
अव्वोच्छित्तिणिमित्तं, सिस्सपसिस्सादिवंसस्स।।
(ख) प्रमाण-मीमांसा, 1|1|1—मंगले च सति परिपन्थिविघ्नविघाताद् अक्षेपेण शास्त्रसिद्धि: आयुष्मच्छोतृकता च भवति।
✾ सूत्र में जो अंक ऊपर दिए गए हैं, वे भाष्यांक हैं। भाष्य में दिए गए टिप्पणांक पाद-टिप्पण के हैं।
1. भ.वृ. 1|2—ननु अधिकृतशास्त्रस्यैव मङ्गलत्वात् किं मङ्गलेन? अनवस्थादिदोषप्राप्ते:। सत्यं, किन्तु शिष्यमतिमंगलपरिग्रहार्थं मंगलोपादानं शिष्टसमयपरिपालनाय चेत्युक्तमेवेति।
2. वही, 1|4-अयं च प्राग् व्याख्यातो नमस्कारादिको ग्रन्थो वृत्तिकृता न व्याख्यात: कुतोऽपि कारणादिति।
3. कल्पसूत्र (मुनि पुण्यविजयजी द्वारा संपादित) पृ. 3—कल्पसूत्रारम्भे नैतद् नमस्कारसूत्ररूपं सूत्रं भूम्ना प्राचीनतमेषु ताडपत्रीयादर्शेषु दृश्यते, नापि टीकाकृदादिभिरेतदादूतं व्याख्यातं वा, तथा चास्य कल्पसूत्रस्य दशाश्रुतस्कंधस्याष्टमाध्ययनत्वान्न मध्ये मंगलरूपत्वेनापि एतत्सूत्रं संगतमिति प्रक्षिप्तमेवैतत् सूत्रमिति।
4. पण्ण. पद 1, गा. 1—
ववगयजरमरणभए, सिद्धे अभिवंदिऊण तिविहेणं।
वंदामि जिणवरिंदं, तेलोक्कगुरुं महावीरं।।
5. ष.खं. धवला, पु. 1, खं. 1, भा. 1, सू. 1, पृ. 41—तच्च मंगलं दुविहं णिबद्धमणिबद्धमिदि। तत्थ णिबद्धं णाम, जो सुत्तस्सादीए सुत्तकत्तारेण णिबद्धदेवदाणमोक्कारो तं णिबद्धमंगलं। जो सुत्तस्सादीए सत्तारेण कयदेवदाणमोक्कारो तमणिबद्धमंगलं।
1. आव.नि.गा. 919, 920—
इंदियविसयकसाये परीसहे वेयणाओ उवसम्गे।
एए अरिणो हंता, अरिहंता तेण वुच्चंति।।
अट्ठविहं वि य कम्मं, अरिभूअं होइ सव्वजीवाणं।
तं कम्ममरिं हंता, अरिहंता तेण वुच्चंति।।
2. वही, गा. 921, 922—
अरिहंति वंदणनमंसणाइं अरिहंति पूअसक्कारे।
सिद्धिगमणं च अरिहा अरहंता तेण वुच्चंति।।
देवासुरमणुएसु अरिहा पूआ सुरुत्तमा जम्हा।
3. वही, गा. 922—अरिणो रयं च हंता अरिहंता तेण वुच्चंति।।
4. ष.खं. धवला, पु. 1, खं. 1, भा. 1, सू. 1, पृ. 42-44—अरिहन-नादरिहन्ता।..... रजोहननाद् वा अरिहंता।.....रहस्याभावाद् वा अरिहंता।..... अतिशयपूजार्हत्वाद् वार्हन्त:।
5. विद्यानुशासन, योगशास्त्र, पृ. 90, 91
6. भ.वृ. 111—अरुहंताणमित्यपि पाठान्तरं, तत्र अरोद्भ्य:
अनुपजायमानेभ्य: क्षीणकर्मबीजत्वात्, आह च—
दग्धे बीजे यथाऽत्यन्तं, प्रादुर्भवति नांकुर:।
कर्मबीजे तथा दग्धे, न रोहति भवांकुर:।।
1. हेमशब्दानुशासन, 8|2|111—उच्चार्हति।
2. पिशेल, प्राकृत भाषाओं का व्याकरण, पारा 140
3. भ.वृ. 1|1
4. वही, 1|1—तत्र सर्वशब्दस्य देशसर्वतायामपि दर्शनादपरिशेषसर्वतोप-दर्शनार्थमुच्यते 'लोके'—मनुष्यलोके न तु गच्छादौ ये सर्वसाधवस्तेभ्यो नम:।
5. हस्तलिखित वृत्ति, पत्र 4
6. प्राचीन भारतीय अभिलेख, द्वितीय खण्ड, पृ. 26
7. महानिशीथ, अ. 5; अभिधानराजेन्द्र, पृ. 1835—एयं तु जं पंचमंगलमहा- सुयक्खंधस्स वक्खाणं, तं महया पबंधेणं अणंतगयपज्जवेहिं सुत्तस्स य पियभूयाहिं णिजुत्तिभासचुन्नीहिं जहेव अणंतनाणदंसणधरेहिं तित्थयरेहिं वक्खाणियं, तहेव समासओ वक्खाणिज्जंतं आसि, अहऽन्नयाकाल-परिहाणिदोसेणं ताओ णिजुत्तिभासचुन्नीओ वुच्छिन्नाओ। इओ य वच्चतेणं कालेणं समएणं महङ्डिपत्ते पयाणुसारी वइरसामी नाम दुवालसंगसुअहरे समुप्पन्ने। तेण य पंचमंगलमहासुयक्खंधस्स उद्धारो मूलसुत्तस्स मज्झे लिहिओ....एसवुड्ढसंपयाओ।
1. दसवे. 5|1|93—णमोक्कारेण पारित्ता।
2. (क) अ.चूप. 123—'नमो अरहंताणं' ति एतेण वयणेण काउस्सग्गं पारेत्ता।
(ख) जि.चू.पृ. 189
(ग) हा.वृ.प. 180—'नमस्कारेण पारयित्वा नमो अरहंताणं' इत्यनेन।
3. ष.खं. धवला, पु. 1, खं. 1, भा. 1, सू. 1, पृ. 42—इदं पुण जीवट्ठाणं णिबद्धमंगलं। एत्तो इमेसिं चोद्दसण्हं जीवसमासाणं इदि एदस्स सुत्तस्सादीए णिबद्धं 'णमो अरहताणं' इच्चादि देवदाणमोक्कारदंसणादो।
4. आ. चूला, 15132—तओ णं समणे भगवं महावीरे दाहिणेणं दाहिणं वामेणं वामं पंचमुट्ठियं लोयं करेत्ता सिद्धाणं णमोक्कारं करेइ।
5. आव. नि. गा. 1027—
कयपंचनमोक्कारो करेइ सामाइयंति सोऽभिहितो।
सामाइयंगमेव य जं सो सेसं अतो वोच्छं।।
6. वही, गा. 1026—
नंदिमणुओगदारं विहिवदुवग्धाइयं च नाऊणं।
काऊण पंचमंगलमारंभो होइ सुत्तस्स।।
7. वि.भा.गा. 9—
सो सव्वसुतक्खंधब्भन्तरभूतो जओ ततो तस्स।
आवासयाणुयोगादिगहणगहितोऽणुयोगोऽवि।।
8. वही, गा. 8—
आईय णमोक्कारो जइ पच्छाऽऽवासयं ततो पुव्वं।
तस्स भणितेऽणुयोगे जुत्तो आवासयस्स ततो।।
9. नंदी, सू. 56—से किं तं अक्खरसुयं? अक्खरसुयं तिविहं पण्णत्तं, तं जहा—1. सण्णक्खरं 2. वंजणक्खरं 3. लद्धिअक्खरं।
1. नन्दी. वृ.प.188
2. आव. नि. गा. 207 का भाष्य—
लेहं लिवीविहाणं जिणेण बंभीइ दाहिणकरेणं।
गणिअं संखाण सुंदरीइ वामेण उवइट्ठं।।
3. आदिपुराण, 16|104-108—
विभु: करद्वयेनाभ्यां लिखन्नक्षरमालिकाम्।
उपादिशल्लिपिं संख्यास्थानं चाङ्कैरनुक्रमात्।।
ततो भगवतो वक्त्रान्नि:सृतामक्षरावलीम्।
सिद्धं नम इति व्यक्तमङ्गलां सिद्धमातृकाम्।।
अकारादिहकारान्तां शुद्धां मुक्तावलीमिव।
स्वरव्यञ्जनभेदेन द्विधा भिदमुपेयुषीम्।।
अयोगवाहपर्यन्तां सर्वविद्यासु संतताम्।
संयोगाक्षरसंभूतिं नैकबीजाक्षरेश्चिताम्।।
समवादीधरद् ब्राह्मी मेधाविन्यतिसुन्दरी।
सुन्दरी गणितं स्थानक्रमै: सम्यगधारयत्।।
4. सम. 18|5
5. भ.वृ. 1|2—लिपि:—पुस्तकादावक्षरविन्यास: सा चाष्टादशप्रकाराऽपि श्रीमन्नाभेयजिनेन स्वसुताया ब्राह्मीनामिकाया दर्शिता ततो ब्राह्मीत्यभिधीयते।
6. देखें, डॉ. प्रेमसागर जेन, विश्व की मूल लिपि ब्राह्मी, पृ. 57-70
7. पण्ण. 1|98—भासारिया जे णं अद्धमागहाए भासाए भासिंति, जत्थ वि य णं बंभी लिवी पवत्तइ।
8. भ.जो. 1|1|169-173, पृ. 16—
नमो बंभीए लिवीए, लिपिकर्ता नाभेय।
चरण सहित धुर जिन लिपिक, अर्थ धर्मसी एह।।
पाथा ना कर्ता भणी, पाथौ कहियै ताहि।
एवंभूतनय नैं मते, अनुयोगदुवार रै मांहि।।
अथवा लिपि ते भावलिपि, जे मुनि नैं आधार।
नमस्कार छै तेहनै, एहवूं दीसै सार।।
तीर्थ नाम जिम सूत्र नों, ते संघ ने आधार।
तिण सूं संघ ने तीर्थ कह्युं, तिम भावे लिपि सार।।
वृत्तिकार द्रव्य लिपि कही, ते लिपि छै गुणशून्य।
नमस्कार तेहनैं करी, ते तो बात जबून्य।।
1. भ.वृ. 1|3—नमो सुयस्स' त्ति नमस्कारोऽस्तु 'श्रुताय' द्वादशाङ्गी-रूपायार्हत्प्रवचनाय।
2. भ.वृ. 1|3—नन्विष्टदेवतानमस्कारो मङ्गलार्थो भवति, न च श्रुतमिष्टदेवतेति कथमयं मंगलार्थं इति? अत्रोच्यते-श्रुतमिष्टदेवतैव, अर्हतां नमस्करणीयत्वात् सिद्धवत्, नमस्कुर्वन्ति च श्रुतमर्हन्तो 'नमस्तीर्थये' ति भणनात्।
3. पं. आशाधर सागारधर्मामृत, 2|44—
ये यजन्ते श्रुतं भक्त्या, ते यजन्तेऽञ्जसा जिनम्।
न किञ्चिदन्तरं प्राहुराप्ता हि श्रुतदेवयो:।।
4. देखें, पीछे पृ. 9 का पा.टि. 4
5. (क) भ.जो. 1|1|190, पृ. 19—
नमोश्रुत ते भावश्रुत, चरणयुक्त श्रुतवंत।
लिपि शब्दे तो देशश्रुत, इहां सर्व श्रुतमंत।।
(ख) वही, पृ. 20-22
6. सन्मति, 3|60
7. भ.वृ. 1|4—नन्विदानीमपि तन्नगरमस्त्यत: कथमुक्तमभवदिति? उच्यते, वर्णकग्रन्थोक्तविभूतियुक्तं तदैवाभवत् न तु सुधर्म्मस्वामिनो वाचनादान-काले, अवसर्पिणीत्वात्कालस्य तदीयशुभभावानां हानिभावात्।
1. भ.वृ. 114—'वन्नओ' त्ति इह स्थानके नगरवर्णको वाच्य: ग्रन्थगौरव- भयादिह तस्यालिखितत्वात्।
2. आ्टे.—चैत्य-Relating to a pile, the individual soul, the ant-hill, a pile of stones forming a landmark, a monument, tombstone, a sacrificial shed, a place of religious worship, altar, sanctuary, a temple, a reflection, a religious fig-tree, any tree growing by the side of streets.
3. भ.वृ. 115
4. औप.वृ.पृ. 8
5. वही, पृ. 10
6. उत्तरा.बृ.वृ.प. 309। देखें, उत्तर. 919 का टिप्पण। इसके साथ यह भी मननीय है कि समवाओ में चौबीस तीर्थंकरों के चौबीस चैत्यवृक्षों का उल्लेख है—'एतेसिं णं चउवीसाए तित्थगराणं चउवीसं चेइयरुक्खा होत्था।' (पइण्णग समवाओ सू. 231)। इसकी वृत्ति में चैत्यवृक्ष का अर्थ किया है 'बद्धपीठ वृक्ष जिनके नीचे तीर्थंकरों को केवलज्ञान उत्पन्न हुआ' (चेइयरुक्खे त्ति बद्धपीठवृक्षा: येषामध: केवलान्युत्पन्नानीति—वृ.प. 145)।
7. जम्बू.वृ.प. 163
8. वही, प. 123
9. पण्हा. 816
10. प्रश्नोत्तर तत्त्वबोध, 9।318-325
11. राय. सू. 9—तं गच्छामि णं समणं भगवं महावीरं वंदामि....कल्लाणं मंगलं देवयं चेइयं पज्जुवासामि।
12. राज.वृ.पृ. 52
♦
भगवई खण्ड 1
जैन आगम ग्रंथमाला

For any Feedback/Comments/Queries:
Please write to books@jvbharati.org