Sambodhi App Sambodhi App         +91-8742004849     books@jvbharati.org

जैन विद्या का प्रवेश द्वार पच्चीस बोल

साध्वी जिनप्रभा

कवर पृष्‍ठ

cover

शीर्षक पेज

जैन विद्या का प्रवेश द्वार पच्चीस बोल

साध्वी जिनप्रभा

© जैन विश्‍‍व भारती, लाडनूं

https://books.jvbharati.org

आशीर्वचन

आशीर्वचन

पच्चीस बोल एक छोटा-सा ग्रन्थ है, जिसमें तत्त्वज्ञान का संक्षेप में संग्रहण हुआ है। यह ग्रन्थ जैन श्‍वेताम्बर तेरापंथ के श्रावक-श्राविकाओं के कंठस्थ रहे, यह अभिलषणीय है। प्रस्तुत पुस्तक में पच्चीस बोल की व्याख्या है। इसे पढ़कर पच्चीस बोल को समझने का प्रयास किया जा सकता है। परम पूज्य गुरुदेव महाप्रज्ञजी की कृति 'जीव-अजीव' को तो जरूर पढ़ना ही चाहिए। मंगलकामना।

आचार्य महाश्रमण

1 जनवरी 2019

पांडिचेरी

♦

प्रस्तुति

प्रस्तुति

जैन दर्शन की साधना का आधार ज्ञान और आचार का समन्वित रूप है। उसमें भी ज्ञान को प्रथम स्थान दिया गया है। दसवैकालिक सूत्र में कहा गया है—'पढमं नाणं तओ दया'। इसका तात्पर्य है—पहले ज्ञान फिर आचार। ज्ञान के अभाव में आचरण सम्यक् नहीं हो सकता। जिसे जीव, अजीव का ज्ञान नहीं है, हिंसा अहिंसा का सम्यक् बोध नहीं है, वह संयम का पालन कैसे कर सकता है?

जैन आगमों में जीव, अजीव आदि नौ तत्त्वों और धर्मास्तिकाय आदि षड्द्रव्यों को विशद रूप से व्याख्यायित किया गया है। जैन तत्त्व ज्ञान को सुगमता से समझने के लिए जैन आचार्यों ने एक पद्धति प्रारंभ की, जिसे 'थोकड़ा' कहा जाता है। थोकड़ा अर्थात् संग्रह। संक्षेप में बोलों का संग्रह जिसमें होता है, उसे थोकड़ा कहते हैं। जैन तत्त्व के जिज्ञासु भाई-बहिनों में थोकड़ों को कंठस्थ करने की परम्परा रही है। उनके माध्यम से जैन तत्त्व को सरलता से हृदयंगम किया जा सकता है।

थोकड़ों में प्राथमिक थोकड़ा पच्चीस बोल है। पच्चीस बोल को जैन विद्या का प्रवेश द्वार कह सकते हैं। किसी महल में प्रवेश करने के लिए पहले द्वार में प्रवेश किया जाता है, वैसे ही जैन तत्त्व को समझने के लिए पच्चीस बोल की जानकारी आवश्यक होती है। जैसे गणित सीखने वालों के लिए 1-100 तक गिनती सीखना जरूरी है। अंग्रेजी पढ़ने वालों के लिए A B C D.... का ज्ञान करना जरूरी है। हिंदी भाषा का ज्ञान करने वालों के लिए अ आ इ ई.... वर्णमाला का बोध आवश्यक है वैसे ही जैन तत्त्वज्ञान सीखनेवालों के लिए पच्चीस बोल समझना जरूरी है।

परम पूज्य आचार्यश्री महाप्रज्ञजी की कृति 'जीव-अजीव' पच्चीस बोल को विस्तार से समझने के लिए गंभीर कृति है। उसे सरलता से समझने के लिए परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी का निर्देश मिला कि 'पच्चीस बोल' को सरल भाषा में तैयार किया जाए, जिसे बालक-बालिका और नवसिखुवा व्यक्ति आसानी से समझ सकें। उसी निर्देश को शिरोधार्य कर यह छोटा-सा प्रयत्‍न किया गया है। आशा है, यह प्रयास उपयोगी सिद्ध होगा।

परम श्रद्धेय आचार्यप्रवर का दिशा दर्शन ही मेरी गति का मूलस्रोत है। परमाराध्य के कृपा प्रसाद से ही यह कार्य पूर्णता तक पहुंचा है। मैं स्वयं के प्रति मंगलकामना करती हूं कि पूज्य प्रवर का आशीर्वाद और विश्‍वास निरंतर बरसता रहे और मैं अप्रमत्तता की साधना में स्वयं को नियोजित करती रहूं। श्रद्धेया महाश्रमणीजी का पवित्र सान्निध्य, प्रेरणा और प्रोत्साहन मेरे जीवन निर्माण का आधार स्तम्भ है। उनके उपकारों को शब्दों में समेटना संभव नहीं है। श्रद्धेया साध्वीप्रमुखाश्रीजी की अनुग्रहवृष्टि निर्बाध बनी रहे, यही अंतर्भावना है।

प्रस्तुत कृति के संदर्भ में साध्वी चंद्रिकाश्रीजी, साध्वी प्रबुद्धयशाजी और साध्वी समताप्रभाजी का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है। साध्वीत्रय साधना और सेवा के साथ-साथ तत्त्वज्ञान और सृजन के क्षेत्र में भी गति-प्रगति करती रहें। इस पुस्तक के निर्माण में श्रीमती दीपाली सेठिया (चेन्नई) का उल्लेखनीय सहयोग रहा है। शुभाशंसा।

अणुव्रतसाध्वी जिनप्रभा

1 जनवरी 2019

साहुकारपेट, चेन्नई

♦

अनुक्रम

अनुक्रम

1. पहला बोल : गति चार

2. दूसरा बोल : जाति पांच

3. तीसरा बोल : काय छह

4. चौथा बोल : इन्द्रिय पांच

5. पांचवां बोल : पर्याप्ति छह

6. छठा बोल : प्राण दस

7. सातवां बोल : शरीर पांच

8. आठवां बोल : योग पन्द्रह

9. नौवां बोल : उपयोग बारह

10. दसवां बोल : कर्म आठ

11. ग्यारहवां बोल : गुणस्थान चौदह

12. बारहवां बोल : पांच इन्द्रियों के तेईस विषय

13. तेरहवां बोल : मिथ्यात्व के दस प्रकार

14. चौदहवां बोल : नौ तत्त्वों के 115 भेद

15. पन्द्रहवां बोल : आत्मा आठ

16. सोलहवां बोल : दण्डक चौबीस

17. सतरहवां बोल : लेश्या छह

18. अठारहवां बोल : दृष्टि तीन

19. उन्नीसवां बोल : ध्यान चार

20. बीसवां बोल : षट्द्रव्यों का ज्ञान

21. इक्कीसवां बोल : राशि दो

22. बाईसवां बोल : श्रावक के बारह व्रत

23. तेईसवां बोल : साधु के पांच महाव्रत

24. चौबीसवां बोल : भांगा उनचास

25. पच्चीसवां बोल : चारित्र पांच

पहला बोल : गति चार

01

पहला बोल : गति चार

नरक गति, तिर्यंच गति, मनुष्य गति, देव गति।

गति का अर्थ है—चलना। विद्यार्थी घर से स्कूल जाता है। राहगीर एक गांव से दूसरे गांव जाता है। इस जाने की क्रिया को गति कहते हैं। यह गति का सामान्य नियम है। तत्त्वज्ञान के संदर्भ में गति का अर्थ है—एक जन्म से दूसरे जन्म की यात्रा करना और वहां रहना। इस यात्रा के चार पड़ाव हैं—नरक गति, तिर्यंच गति, मनुष्य गति, देव गति। अभी हम मनुष्य हैं तो हमारी गति मनुष्य गति कहलाती है। यहां से देवलोक में चले जाएंगे तो हमारी गति देव गति कहलाएगी। प्राणी जिस गति में जाता है, रहता है तब तक उसकी वह गति कहलाती है।

प्राणी जब तक संसार में रहता है तब तक इन चार गतियों में भ्रमण करता रहता है। वह अपनी इच्छा से किसी एक गति में हमेशा नहीं रह सकता। गति कर्म के अनुसार मिलती है। अच्छा कर्म करता है तो अच्छी गति और बुरा कर्म करता है तो बुरी गति मिलती है।

प्रश्‍न होता है अच्छी अथवा बुरी गति किसको मानें? सामान्यत: मनुष्य गति और देवगति अच्छी मानी जाती है। नरकगति और तिर्यंचगति बुरी मानी जाती है। हर प्राणी अच्छी गति में जाना चाहेगा पर अच्छी गति मिलेगी तभी जब अच्छे कर्म करेगा।

नरक गति

यह भयंकर दु:ख की गति है। नरक का नाम सुनते ही प्राणी भयभीत हो जाता है। यह गति कहां है, इसे जानने के लिए हमें लोक को जानना होगा। लोक के तीन विभाग हैं—ऊंचालोक, मध्यलोक, नीचालोक। ऊंचेलोक को ऊर्ध्वलोक, मध्यलोक को तिर्यक्लोक और नीचेलोक को अधोलोक कहा जाता है। अशुभ कर्म करनेवाले प्राणी मर कर दु:खों को भोगने के लिए नीचे लोक में जाते हैं। नीचे लोक में सात पृथ्वियां हैं, वे ही सात नरक हैं। सातों नरक भूमियां क्रमश: एक दूसरे से बड़ी हैं। यों तो सभी नरकों में दु:ख है पर पहली से दूसरी में, दूसरी से तीसरी में इस प्रकार क्रमश: सातवीं नरक में सबसे अधिक दु:ख है।

नरक में दु:ख के प्रकार

नरक में रहने वाले जीवों को नारक कहते हैं। वहां तीन प्रकार का दु:ख होता है

1. परमाधामी देवों द्वारा दिया जाने वाला दु:ख।

2. परस्पर एक दूसरे से होने वाला दु:ख।

3. स्थानकृत दु:ख।

1. परमाधामी देवों द्वारा दिया जाने वाला दु:ख

परमाधामी असुर जाति के देव हैं। वे प्रथम तीन नरक तक जाते हैं। जैसे—कारावास में कैदियों को वहां के अधिकारी सताते हैं, मारते हैं, पीटते हैं, बन्धन में बांध देते हैं वैसे ही परमाधामी देव नारक जीवों को सताते हैं। उन्हें भयंकर यातना देते हैं।

2. परस्पर एक दूसरे से होने वाला दु:ख

जैसे एक मुहल्ले के कुत्ते दूसरे मुहल्ले के कुत्ते को आया हुआ देखकर उसे मारने के लिए दौड़ते हैं वैसे ही नारक जीव एक दूसरे को देखकर उस पर टूट पड़ते हैं, भयभीत होते हैं, बचने के लिए इधर-उधर भागने की कोशिश करते हैं।

3. स्थानकृत दु:ख

नरक में सघन अन्धकार होता है। वहां का स्थान कीचड़ युक्त, ऊबड़-खाबड़, नुकीला और तलवार की धार से भी अनन्तगुणा धारवाला होता है। वहां एक वृक्ष होता है, जिसका नाम है कूटशाल्मली। कोई नारक जीव गर्मी से घबराकर ठंडक पाने के लिए उस वृक्ष के नीचे बैठने की इच्छा करता है तो उसके धारदार पत्ते अंगों का छेदन कर देते हैं। नरक की गंध मृत जानवरों के शरीर की गंध से अनन्तगुणा दुर्गन्धयुक्त होती है। नारक जीवों की भूख-प्यास, सर्दी—गर्मी कभी शान्त नहीं होती। कहा गया है—दुनियां के सारे पदार्थ खाने के लिए और दुनिया का सारा पानी पीने के लिए एक नारक जीव को दे दिया जाए तो भी उसकी भूख और प्यास शान्त नहीं होती। सर्दी में नारक जीव को भट्टी में सुला दिया जाए तो भी उसकी सर्दी नहीं मिटती। गर्मी में उसे हिमालय पर बिठा दिया जाए तो भी उसकी गर्मी नहीं मिटती। नारक जीव दु:ख से घबराकर मरना चाहें तो भी मर नहीं सकते। उनको जितना आयुष्य होता है वह पूरा भोगना ही पड़ता है। उनका आयुष्य भी बहुत लम्बा होता है। प्रथम तीन नरक तक तीनों प्रकार का दु:ख होता है। शेष नरकों में दो प्रकार का दु:ख होता है।

नरक पृथ्वियों के नाम और गोत्र

सात नरक भूमियों के नाम और गोत्र क्रमश: इस प्रकार हैं

नाम—घम्मा, वंशा, शैला, अंजना, रिष्ठा, मघा, माघवती।

गोत्र—रत्‍नप्रभा, शर्कराप्रभा, बालुकाप्रभा, पंकप्रभा, धूमप्रभा, तम:प्रभा, महातम:प्रभा।

कहीं-कहीं सातवीं नरक का तमतमाप्रभा नाम भी मिलता है। यद्यपि रत्‍नप्रभा आदि गोत्र हैं, किन्तु नरक भूमियां नाम की अपेक्षा गोत्र से ही अधिक प्रसिद्ध हैं।

नरक में जाने के कारण

जो प्राणी घोर हिंसक होता है, क्रूरता से पंचेन्द्रिय प्राणी का वध करता है, परिग्रह के प्रति तीव्र आसक्त होता है, मांसाहार करता है, वह नरकगति को प्राप्त करता है।

नारक का जन्म

नारक जीवों का जन्म भी बहुत दु:खपूर्ण होता है। इनके जन्म-स्थान को कुंभी कहा जाता है। कुंभी घड़े के आकार की होती है। उसका मुंह संकड़ा होता है, और नीचे से चौड़ी होती है। नारक जीवों का शरीर अंतर्मुहूर्त्त में ही बड़ा हो जाता है। उनके शरीर के टुकड़े करके उनको कुंभी से निकाला जाता है।

नरक में जन्म लेने वाले प्राणी

एकेन्द्रिय से लेकर चतुरिन्द्रिय तक के प्राणी नरक में जन्म नहीं लेते। क्योंकि ये अविकसित चेतनावाले प्राणी हैं। ये नरक का आयुष्य बंधे इतने क्रूर कर्म नहीं कर सकते। मनुष्य और तिर्यंच पंचेन्द्रिय—सभी नरकों में जन्म ले सकते हैं। तिर्यंच पंचेन्द्रिय में भी जो असंज्ञी तिर्यंच होते हैं वे केवल प्रथम नरक तक ही जा सकते हैं। नरक जीव मरकर पुन: नरक में उत्पन्न नहीं हो सकते। वे वहां अपने किए हुए कर्मों का दु:खद फल भोगते हैं। नरक आयुष्य का पुन: बंध हो सके ऐसे क्रूर कर्म नहीं कर सकते। नारक जीव देवगति में नहीं जा सकते। क्योंकि देवगति में जाने योग्य पुण्यों का उपार्जन भी नहीं कर सकते।

तिर्यंच गति

तिर्यंच गति में जीव सबसे अधिक हैं। तिर्यंच गति में चारों ही गतियों के जीव आकर जन्म ले सकते हैं और तिर्यंच गति से मरकर जीव चारों गतियों में जा सकते हैं। संसार में जितने प्राणी दिखाई देते हैं, उनमें मनुष्य को छोड़कर सब जीव तिर्यंच कहलाते हैं। चारों गतियों में सबसे बड़ा संसार तिर्यंच का है। पृथ्वी, पानी, अग्‍नि, वायु, वनस्पति, काई, लटें, कीड़े, मकौड़े, मक्खी, मच्छर, पशु, पक्षी आदि सभी जीव तिर्यंच कहलाते हैं। इन जीवों के बारे में विस्तार से जानकारी अग्रिम बोलों में दी जाएगी।

तिर्यंच गति में जाने के कारण

जो प्राणी माया अर्थात् कपट का आचरण करता है, दूसरों को धोखा देने में लगा रहता है, एक माया को ढकने के लिए दूसरी माया करता है, असत्य बोलता है, माप-तोल में कम या अधिक करता है, उस प्राणी के सामान्यत: तिर्यंच गति का आयुष्य बंधता है। तिर्यंच गति को अप्रशस्त गति माना गया है।

मनुष्य गति

हम मनुष्य गति से परिचित हैं, क्योंकि हम मनुष्य हैं। जो मननशील, चिन्तनशील प्राणी होता है, कर्तव्य-अकर्तव्य का विवेक करना जानता है, वह मनुष्य कहलाता है। मनुष्य एक ऐसा प्राणी है जो अपने कर्मों के कारण चारों गतियों में जा सकता है। सब कर्मों से मुक्ति पाकर मोक्ष भी जा सकता है। श्रुतधर्म और चारित्रधर्म का अधिकारी मनुष्य ही हो सकता है। मोक्ष मनुष्य गति से ही संभव है। इसलिए इसे श्रेष्ठ गति कहा गया है।

मनुष्यों के रहने का स्थान

मनुष्यों का निवास पूरे लोक में नहीं होता। मध्य लोक में असंख्य द्वीप समुद्र हैं। मनुष्य केवल ढाई द्वीपों में ही होते हैं।

ढाई द्वीप

असंख्य द्वीप समुद्रों में सबसे छोटा थाली के आकार का जम्बूद्वीप है। जम्बूद्वीप के बाहर चारों ओर वलयाकार लवण समुद्र है। लवण समुद्र के बाहर चारों ओर वलयाकार धातकी खण्ड द्वीप है। धातकी खण्ड द्वीप के बाहर चारों ओर वलयाकार कालोदधि समुद्र है। उसके बाहर चारों ओर वलयाकार पुष्कर द्वीप है। मनुष्यों का निवास जम्बूद्वीप, धातकी खण्ड द्वीप और पुष्कर द्वीप के आधे भाग में है। इन ढाई द्वीपों में मनुष्यों का निवास होने के कारण उसे मनुष्य क्षेत्र भी कहा जाता है।

मनुष्य गति में जाने के कारण

जो जीव सरल प्रकृति के होते हैं, विनम्र होते हैं, दयावान होते हैं, ईर्ष्या, द्वेष आदि नहीं करते, वे सामान्यत: मनुष्य गति को प्राप्त होते हैं।

देव गति

देवगति सुखभोग की गति है। जो जीव धर्म की आराधना करते हैं, श्रावकपन पालते हैं, जीवन में यथाशक्ति धर्म का आचरण करते हैं, साधुव्रत स्वीकार करते हैं, अज्ञान या परवशता वश भी अच्छे कर्म करते हैं, वे अपने सद् आचार से कर्मों की निर्जरा करते हैं और उस निर्जरा के साथ पुण्य का बंध भी करते हैं। उस पुण्य भोग के लिए वे देवगति को प्राप्त करते हैं।

देवता दिव्यरूप अर्थात् सुन्दर रूपवाले होते हैं इसलिए उन्हें देव कहा जाता है। देव जहां रहते हैं उस स्थान को देवलोक या देवगति कहते हैं। नरक गति में जहां घोर अंधकार होता है वहीं देवगति प्रकाशमय होती है। वहां सूर्य चन्द्र का प्रकाश नहीं होता। देवलोक दिव्य रत्‍नों के बने होते हैं। वहां रत्‍नों का प्रकाश होता है। देवता सुखमय जीवन जीते हैं। उनका सुख मनुष्यों से कई गुना अधिक होता है।

देवों के प्रकार

देवता चार प्रकार के होते हैं—भवनपति, व्यंतर, ज्योतिष्क, वैमानिक।

भवनपति—भवनों में निवास करने के कारण इनको भवनपति देव कहा जाता है। इनके दस प्रकार होते हैं—असुरकुमार, नागकुमार, सुपर्णकुमार, विद्युत्कुमार, अग्‍निकुमार, द्वीपकुमार, उदधिकुमार, दिक्कुमार, वायुकुमार, स्तनितकुमार। इनका निवास पाताल लोक में है। ये कुमार की भांति चंचल होते हैं इसलिए इन्हें कुमार कहा जाता है।

तीन नरक तक परमाधामी देव नारक जीवों को सताते हैं, वे असुरकुमार देवों की ही एक जाति है। जैसे—कई व्यक्ति शिकार करने में लड़ने-लड़ाने में आनन्द की अनुभूति करते हैं वैसे ही परमाधामी देवों को भी नारक जीवों को सताने में आनन्द की अनुभूति होती है।

व्यंतर देव

व्यंतर देव विविध अन्तरों/स्थानों में रहते हैं इसलिए उन्हें व्यंतर कहा जाता है। व्यंतर देव आठ प्रकार के होते हैं—पिशाच, भूत, यक्ष, राक्षस, किन्नर, किंपुरुष, महोरग, गन्धर्व। ये देव रत्‍नप्रभा पृथ्वी के ऊपरी भाग में रहते हैं। तिर्यक् लोक में पहाड़ों, गुफाओं, वृक्षों, वनों, शून्य स्थानों आदि में भी अपना स्थान बना लेते हैं। ये देव कुतूहल प्रिय होते हैं। मंत्र, तंत्र से आकर्षित करने पर मनुष्यों की सेवा भी करते हैं। पूर्वजन्म के राग-द्वेष से प्रेरित होकर मनुष्यों के सुख-दु:ख में भी निमित्त बनते हैं।

व्यंतर देव बनने के सामान्यत: निम्‍नलिखित कारण माने जाते हैं

1. फांसी पर लटककर आत्महत्या करना।

2. विष खाकर मरना।

3. अग्‍नि में जलकर मरना।

4. जल में डूबकर मरना।

5. भूख-प्यास से पीड़ित होकर मरना आदि।

ज्योतिष्क देव

जिनके विमान ज्योतिर्मय होते हैं वे ज्योतिष्क देव कहलाते हैं। वे पांच प्रकार के होते है—सूर्य, चन्द्र, ग्रह, नक्षत्र, तारे। सूर्य और चन्द्र को इन्द्र माना गया है। शेष तीन उनकी प्रजा है।

वैमानिक देव

वैमानिक देव ऊर्ध्वलोक में रहते हैं। विमानों में उत्पन्न होने के कारण वे वैमानिक कहलाते हैं। वैमानिक देवलोक छब्बीस हैं। वे दो भागों में विभक्त हैं—कल्पोपपन्न और कल्पातीत। बारह देवलोक कल्पोपपन्न हैं और चौदह देवलोक कल्पातीत हैं।

कल्पोपपन्न—कल्प का अर्थ है मर्यादा। मर्यादा अर्थात् छोटे-बड़े, स्वामी-सेवक आदि के रूप में जहां व्यवस्था है, उनमें उत्पन्न होनेवाले देव कल्पोपपन्न कहलाते हैं। कल्पोपपन्न देवलोकों के नाम निम्‍न प्रकार हैं

1. सौधर्म 2. ईशान 3. सनत्कुमार 4. माहेन्द्र 5. ब्रह्म 6. लान्तक 7. शुक्र 8. सहस्रार 9. आनत 10. प्राणत 11. आरण 12. अच्युत।

कल्पातीत—जहां न कोई छोटा होता है न कोई बड़ा। न कोई स्वामी होता है न कोई सेवक। वे देवलोक कल्पातीत कहलाते हैं। इनमें नौ ग्रैवेयक और पांच अनुत्तर विमान हैं।

पांच अनुत्तर विमानों के नाम हैं—विजय, वैजयन्त, जयन्त, अपराजित, सर्वार्थसिद्ध।

वैमानिक देवों में पहले से लेकर सर्वार्थसिद्ध तक सुख की मात्रा क्रमश: बढ़ती जाती है। सर्वार्थसिद्ध के देव एकभवतारी होते हैं। वे सर्वार्थसिद्ध से च्यवन कर मनुष्य बनकर उसी जन्म में मोक्ष जाने वाले होते हैं। चारों प्रकार के देवलोकों में सर्वश्रेष्ठ वैमानिक होते हैं।

ज्ञातव्य है कि जो प्राणी श्रावक अथवा साधु होता है उसकी निश्‍चित रूप से वैमानिक देवगति होती है। जिस मनुष्य अथवा तिर्यंच का सम्यक्त्व अवस्था में आयुष्य का बंध हो जाता है, वह भी निश्‍चित रूप से वैमानिक देवगति में जाता है।

देवगति में जाने के कारण

रागयुक्त (वीतराग दशा से पूर्व) संयम का पालन।

श्रावकपन का पालन।

बालतप—मिथ्यात्वी का तप।

अकाम निर्जरा—मोक्ष की इच्छा के बिना किया जानेवाला तप।

♦

दूसरा बोल : जाति पांच

02

दूसरा बोल : जाति पांच

एकेन्द्रिय, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय, पंचेन्द्रिय।

जाति—जाति शब्द समूह का वाचक है। इन्द्रियों के आधार पर बनाये गए जीवों के समूह को जाति कहा गया है। जाति पांच हैं—

एकेन्द्रिय जाति

जिन जीवों में एक स्पर्शन इन्द्रिय (त्वचा) होती है उन जीवों के समूह को एकेन्द्रिय कहते हैं। इसके पांच प्रकार हैं—पृथ्वी, पानी, अग्‍नि, वायु, वनस्पति।

द्वीन्द्रिय जाति

जिन जीवों में स्पर्शन, रसन (जिह्वा) ये दो इन्द्रियां होती हैं, उन जीवों के समूह को द्वीन्द्रिय कहते हैं। इसमें लट, सीप, शंख, कृमि आदि जीव आते हैं।

त्रीन्द्रिय जाति

जिन जीवों में स्पर्शन, रसन, घ्राण (नाक) ये तीन इन्द्रियां होती हैं, उन जीवों के समूह को त्रीन्द्रिय कहते हैं। इसमें चींटी, मकोड़े, जूं, लीख, खटमल आदि जीव आते हैं।

चतुरिन्द्रिय जाति

जिन जीवों में स्पर्शन, रसन, घ्राण, चक्षु (आंख) ये चार इन्द्रियां होती हैं उन जीवों के समूह को चतुरिन्द्रिय कहते हैं। इसमें मक्खी, मच्छर, भ्रमर, बिच्छू, कसारी आदि जीव आते हैं।

पंचेन्द्रिय जाति

जिन जीवों में स्पर्शन, रसन, घ्राण, चक्षु, श्रोत्र (कान)ये पांच इन्द्रियां होती हैं उन जीवों के समूह को पंचेन्द्रिय कहते हैं। इसमें नरक, देव, तिर्यंच, मनुष्य चारों गति के जीव आ जाते हैं। तिर्यंच में गाय, भैंस, हाथी, ऊंट, मगरमच्छ, सर्प आदि तथा सभी प्रकार के पक्षी आते हैं।

मनुष्य के प्रकार

मनुष्य के दो प्रकार हैं—गर्भज और संमूर्च्छिम।

गर्भज मनुष्य

जो गर्भ से उत्पन्न होते हैं अर्थात् स्त्री-पुरुष के संयोग से उत्पन्न होते हैं वे गर्भज मनुष्य हैं।

संमूर्च्छिम मनुष्य

जो गर्भ से उत्पन्न नहीं होते। मनुष्यों के मल, मूत्र, श्‍लेष्म आदि चौदह अशुचि स्थानों में उत्पन्न होते हैं वे संमूर्च्छिम मनुष्य कहलाते हैं। ये जीव पर्याप्त नहीं होते। अंतर्मुहूर्त्त में ही मृत्यु को प्राप्त हो जाते हैं।

तिर्यंच के प्रकार

तिर्यंच जीव पांच प्रकार के हैं—

जलचर

जल में विचरने वाले प्राणी—मगर, मछली, कछुआ आदि।

स्थलचर

भूमि पर विचरने वाले प्राणी—हाथी, घोड़े, गाय, भैंस आदि।

भुजपरिसर्प

भुजाओं के बल चलनेवाले प्राणी—चूहा, नेवला, गिरगिट, छिपकली आदि।

उरपरिसर्प

छाती के बल चलनेवाले प्राणी—सर्प, अजगर आदि।

नभचर

आकाश में विचरनेवाले प्राणी—पक्षी आदि।

♦

तीसरा बोल : काय छह

03

तीसरा बोल : काय छह

पृथ्वीकाय, अप्काय, तेजस्काय, वायुकाय, वनस्पतिकाय, त्रसकाय।

काय का अर्थ है शरीर। शरीर के आधार पर जीवों के विभाग किये गए हैं, उन्हें काय कहा गया है। काय छह हैं—

पृथ्वीकाय

जिन जीवों का शरीर पृथ्वी है वे जीव पृथ्वीकायिक कहलाते हैं। मिट्टी, पत्थर, सोना, चांदी, हीरे, पन्ने आदि कच्चे खनिज (खानों से खोदकर निकाले जाने वाले) पृथ्वीकायिक हैं।

अप्काय

जिन जीवों का शरीर पानी है वे जीव अप्कायिक कहलाते हैं। बरसात का पानी, समुद्र, कूप, तालाब, नदी, झरना आदि का पानी, ओस का पानी, कुहासा आदि अप्काय में आते हैं।

तेजस्काय

जिन जीवों का शरीर अग्‍नि है वे जीव तेजस्कायिक कहलाते हैं। जलती हुई लकड़ी, अंगारे, मुर्मुर, कण्ड़े आदि की अग्‍नि तथा उल्का आदि तेजस्काय में आते हैं।

वायुकाय

जिन जीवों का शरीर वायु है वे जीव वायुकायिक कहलाते हैं। उत्कलिका वायु, मण्डलिका वायु, गुंजा वायु आदि वायुकाय के अनेक प्रकार हैं। हम जो श्‍वास लेते हैं वह वायु इसमें नहीं आती। वह निर्जीव होती है।

वनस्पतिकाय

जिन जीवों का शरीर वनस्पति है वे जीव वनस्पतिकायिक कहलाते हैं। इसमें सब प्रकार की घास, पेड़, पौधे, लता, फल, फूल, पत्र आदि आते हैं।

सूक्ष्म-बादर

पृथ्वी, अप्, तेजस्, वायु, वनस्पति—इन पांच काय के जीवों के दो भेद हैं—सूक्ष्म और बादर। पांच ही कायों के सूक्ष्म जीव समूचे लोक में फैले हुए हैं। लोक का सूई की नोक टिके इतना स्थान भी सूक्ष्म जीवों से खाली नहीं है। ये जीव इतने सूक्ष्म होते हैं कि इनकी हिंसा हमारे द्वारा संभव नहीं है। सूक्ष्म जीव हमारे ज्ञान व दृष्टि का विषय नहीं बनते। केवलज्ञानी के वचनों के आधार पर ही हम उन्हें जानते हैं।

पृथ्वी, पानी, अग्‍नि, वायु, वनस्पति—जो हम देख रहे हैं वे बादर हैं। इनका भी हमें मात्र एक जीव दिखाई नहीं देता। मिट्टी की एक डली में, पानी की एक बूंद में, अग्‍नि की एक चिनगारी में, वायु के एक झोंखे में, वनस्पति के एक छोटे से कतरे में असंख्य जीव होते हैं। प्रत्येक जीव का अपना अलग-अलग शरीर होता है।

वनस्पति काय के दो भेद हैं—प्रत्येक और साधारण। प्रत्येक वनस्पति अर्थात् एक शरीर में एक जीव। साधारण वनस्पति अर्थात् एक शरीर में अनन्त जीव। साधारण वनस्पति को निगोद कहा जाता है। निगोद दो प्रकार का होता है—सूक्ष्म और बादर। सभी प्रकार के कन्दमूल, आलू, प्याज, गाजर, लहसुन आदि जो हम देख रहे हैं, साधारण वनस्पति है। बादर निगोद है। इसे जमीकंद भी कहते हैं। इसे अनन्तकाय भी कहा जाता है। इनका जन्म, मरण, श्‍वासोच्छ्वास आदि सब एक साथ होते हैं।

स्थावर

पृथ्वी, पानी, अग्‍नि, वायु, वनस्पति—इनको स्थावर काय कहा जाता है। स्थावर अर्थात् जो चल-फिर नहीं सकते, अपने हित-अहित के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान में आना-जाना नहीं कर सकते, जिनका सुख-दु:ख प्रत्यक्ष नहीं देखा जा सकता वे जीव स्थावर हैं।

त्रसकाय

जिन जीवों में अपने हित-अहित के लिए हलन-चलन आदि क्रिया करने की शक्ति होती है, जो सुख-दु:ख प्रकट करते हैं, शरीर का संकोच करना, फैलाना, भय से इधर उधर भागना, शब्द करना आदि जिनके लक्षण हैं वे जीव त्रसकायिक कहलाते हैं। द्वीन्द्रिय से पंचेन्द्रिय तक के सभी जीव त्रसकायिक हैं।

प्रश्‍न होता है कि पेड़ पौधे आदि भी हमें हिलते हुए दिखाई देते हैं, नदियों, नालों में पानी चलता हुआ दिखाई देता है, अग्‍नि की ज्वाला उठती है फिर इन्हें त्रसकाय में क्यों नहीं लिया गया?

पेड़ पौधे आदि अपनी इच्छा से हलन-चलन नहीं कर सकते। हवा आदि की प्रेरणा से गति करते हैं इसलिए ये त्रसकाय की कोटि में नहीं आते।

♦

चौथा बोल : इन्द्रिय पांच

04

चौथा बोल : इन्द्रिय पांच

स्पर्शनेन्द्रिय, रसनेन्द्रिय, घ्राणेन्द्रिय, चक्षुरिन्द्रिय, श्रोत्रेन्द्रिय।

इन्द्रिय—अपने-अपने निश्‍चित विषय का ज्ञान करनेवाली चेतना का नाम इन्द्रिय है। उसका विकास सब प्राणियों में समान नहीं होता। आत्मा के विकास की पहली श्रेणी है—इन्द्रिय ज्ञान। विशिष्ट ज्ञान सबमें नहीं होता पर कुछ न कुछ इन्द्रिय ज्ञान हर प्राणी में होता है। यहां तक कि एकेन्द्रिय जीव भी इन्द्रिय ज्ञान से रहित नहीं हैं। इन्द्रिय ज्ञान ही जीव और अजीव के मध्य भेदरेखा है।

इन्द्रियां पांच हैं—

स्पर्शनेन्द्रिय— स्पर्शन अर्थात् त्वचा। इससे स्पर्श का ज्ञान होता है।

रसनेन्द्रिय—रसन अर्थात् जिह्वा। इससे रस का ज्ञान होता है।

घ्राणेन्द्रिय—घ्राण अर्थात् नाक। इससे गंध का ज्ञान होता है।

चक्षुरिन्द्रिय—चक्षु अर्थात् आंख। इससे रूप का ज्ञान होता है।

श्रोत्रेन्द्रिय— श्रोत्र अर्थात् कान। इससे शब्द का ज्ञान होता है।

इन्द्रिय वृद्धि का क्रम

इन्द्रियां सब जीवों में समान नहीं होतीं। उनकी वृद्धि का क्रम है—एकेन्द्रिय जीवों में मात्र एक स्पर्शनेन्द्रिय होती है। द्वीन्द्रिय जीवों में स्पर्शन और रसन दो इन्द्रियां होती हैं। त्रीन्द्रिय जीवों में स्पर्शन, रसन और घ्राण तीन इन्द्रियां होती हैं। चतुरिन्द्रिय जीवों में स्पर्शन, रसन, घ्राण और चक्षु चार इन्द्रियां होती हैं। पंचेन्द्रिय जीवों में स्पर्शन, रसन, घ्राण, चक्षु और श्रोत्र पांच इन्द्रियां होती हैं।

इन्द्रियों का आकार

इन्द्रियों का आकार दो प्रकार का होता है—एक बाहरी आकार, दूसरा भीतरी आकार। बाहर का आकार सब प्राणियों का अपना-अपना होता है। भीतरी आकार सबका एक जैसा होता है। स्पर्शनेन्द्रिय का आकार अपने-अपने शरीर के आकार जैसा होता है। वह जैसा भीतर होता है वैसा ही बाहर होता है। रसनेन्द्रिय का क्षुरप्र (खुरपा, अर्धचन्द्र) जैसा होता है। घ्राणेन्द्रिय का आकार अतिमुक्तक पुष्प की चन्द्रिका (तिल का पुष्प) जैसा होता है। चक्षुरिन्द्रिय का आकार मसूर की दाल जैसा होता है। श्रोत्रेन्द्रिय का आकार कदम्ब वृक्ष के फूल जैसा होता है।

इन्द्रियों के प्रकार

इन्द्रियों के दो प्रकार हैं—द्रव्येन्द्रिय और भावेन्द्रिय। इन्द्रियों की बाहरी और भीतरी पौद्गलिक रचना (आकार) तथा अपने-अपने विषय को ग्रहण करने वाली पौद्गलिक शक्ति को द्रव्येन्द्रिय कहते हैं। जानने की आत्मिक योग्यता और क्रिया को भावेन्द्रिय कहते हैं। द्रव्येन्द्रिय पौद्गलिक है, अजीव है। भावेन्द्रिय अपौद्गलिक है, जीव है। द्रव्येन्द्रिय के दो भेद हैंनिवृत्ति द्रव्येन्द्रिय और उपकरण द्रव्येन्द्रिय। बाहरी और भीतरी आकार रचना निवृत्ति द्रव्येन्द्रिय है। निवृत्ति द्रव्येन्द्रिय के भीतर अपने-अपने विषय को ग्रहण करने में समर्थ जो पौद्गलिक शक्ति है वह उपकरण द्रव्येन्द्रिय है।

इन्द्रियों में ज्ञान की क्षमता होने पर भी यदि आंख का गोला विकृत हो जाए तो चक्षु इन्द्रिय अपने विषय का ज्ञान नहीं कर सकती, इसका कारण निवृत्ति द्रव्येन्द्रिय है। आकार रचना व्यवस्थित होने पर भी किसी बीमारी आदि के कारण भीतरी द्रव्येन्द्रिय नष्ट हो जाए तो भी चक्षुरिन्द्रिय अपने विषय का ज्ञान नहीं कर सकती, इसका कारण उपकरण द्रव्येन्द्रिय है।

भावेन्द्रिय के दो प्रकार हैं—लब्धि भावेन्द्रिय और उपयोग भावेन्द्रिय। ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय कर्म के हल्केपन से स्पर्श आदि विषयों को जानने की आत्मिक क्षमता लब्धि भावेन्द्रिय है। उस क्षमता को काम में लेना उपयोग भावेन्द्रिय है। जैसे—एक व्यक्ति ने चश्मा खरीदा, यह है लब्धि/प्राप्ति। चश्मा लगाकर देखना प्रारम्भ किया, यह है उपयोग। ऐसा नहीं होता कि निरन्तर इन्द्रियों से ज्ञान होता रहे।

मन—इन्द्रियों के अतिरिक्त चेतना की एक और शक्ति है जिसे मन कहते हैं। इन्द्रियां तो एक-एक विषय को ग्रहण करती हैं। मन पांचों इन्द्रियों द्वारा ग्रहण किये गये सब विषयों को ग्रहण करने और उन पर चिन्तन-मनन करने में समर्थ है। इन्द्रियां केवल मूर्त पदार्थों को ही ग्रहण करती हैं। जबकि मन क्षमता के अनुसार मूर्त-अमूर्त सभी पदार्थों को ग्रहण कर सकता है और उन पर विचार कर सकता है।

संज्ञी-असंज्ञी

जिन जीवों के मन होता है, जो भूत, वर्तमान और भविष्य संबंधी विचार कर सकते हैं वे जीव संज्ञी कहलाते हैं। जिन जीवों के मन नहीं होता, जो भूत, वर्तमान और भविष्य संबंधी विचार नहीं कर सकते वे असंज्ञी कहलाते हैं। चतुरिन्द्रिय तक के जीव असंज्ञी ही होते हैं। पंचेन्द्रिय में नारक और देव संज्ञी होते हैं। तिर्यंच पंचेन्द्रिय और मनुष्य संज्ञी-असंज्ञी दोनों होते हैं। गर्भज संज्ञी होते हैं और संमूर्च्छिम असंज्ञी होते हैं।

♦

पांचवां बोल : पर्याप्ति छह

05

पांचवां बोल : पर्याप्ति छह

आहार पर्याप्ति, शरीर पर्याप्ति, इन्द्रिय पर्याप्ति, श्‍वासोच्छ्वास पर्याप्ति, भाषा पर्याप्ति, मन:पर्याप्ति।

पर्याप्तिजब तक प्राणी संसार में रहता है वह एक जन्म को छोड़कर नया जन्म धारण करता रहता है। नया जन्म धारण करने एवं उसका निर्वाह करने के लिए जीव जीवनोपयोगी जिस पौद्गलिक शक्ति का निर्माण करता है उस पौद्गलिक शक्ति को पर्याप्ति कहते हैं। पर्याप्तियां छह हैं—

आहार पर्याप्ति

जन्म ग्रहण करते समय जीवनोपयोगी आहार के योग्य पुद्गलों को ग्रहण करने एवं उन्हें रस व खल रूप में परिणत करने वाली पौद्गलिक शक्ति आहार पर्याप्ति है। आहार पर्याप्ति में सभी पर्याप्तियों के योग्य पुद्गलों का एक साथ ग्रहण होता है।

शरीर पर्याप्ति

आहार पर्याप्ति के द्वारा गृहीत पुद्गलों में से शरीर पर्याप्ति के योग्य पुद्गलों का ग्रहण और उन्हें रस, खून, मांस, चर्बी, हड्डी, मज्जा और वीर्य—इन सात धातुओं में परिणत करनेवाली शक्ति शरीर पर्याप्ति है।

इन्द्रिय पर्याप्ति

इन्द्रिय निर्माण के योग्य पुद्गलों का ग्रहण और इन्द्रिय रचना करनेवाली शक्ति इन्द्रिय पर्याप्ति है।

श्‍वासोच्छ्वास पर्याप्ति

श्‍वासोच्छ्वास के योग्य पुद्गलों का ग्रहण और विसर्जन (छोड़ना) करने वाली पौद्गलिक शक्ति श्‍वासोच्छ्वास पर्याप्ति है।

भाषा पर्याप्ति

भाषा के योग्य पुद्गलों का ग्रहण और विसर्जन करने वाली पौद्गलिक शक्ति भाषा पर्याप्ति है।

मन:पर्याप्ति

मन के योग्य पुद्गलों का ग्रहण और विसर्जन करने वाली पौद्गलिक शक्ति मन: पर्याप्ति है।

इन छहों पर्याप्तियों को समझने के लिए एक दृष्टान्त प्राप्त होता है। एक व्यक्ति मकान बनाना प्रारम्भ करता है। पहले उस मकान के निर्माण योग्य काठ, ईंट, चूना, पत्थर, मिट्टी आदि सामग्री इकट्ठी करता है, इसके समान आहार पर्याप्ति है। अमुक काठ स्तम्भ बनाने के योग्य है, अमुक काठ कपाट बनाने के योग्य है, अमुक पत्थर दीवार बनाने के योग्य है, इस प्रकार के चयन के समान शरीर पर्याप्ति है। मकान में प्रवेश और निकलने के दरवाजे बनाये जाते हैं, खिड़कियां बनाई जाती हैं उनके समान इन्द्रिय पर्याप्ति है। श्‍वासोच्छ्वास पर्याप्ति और भाषा पर्याप्ति के भी प्रवेश और निर्गम को इन्द्रिय पर्याप्ति की भांति समझ लेना चाहिए। मकान तैयार होने के बाद कौन सा कमरा शयन घर होगा, कौन सा कमरा भोजन घर होगा। इस प्रकार के चिन्तन के समान मन:पर्याप्ति है।

सभी पर्याप्तियों का प्रारम्भ एक साथ होता है। पूर्ति में आहार पर्याप्ति को एक समय लगता है। शेष पर्याप्तियां क्रमश: एक-एक अंतर्मुहूर्त्त में पूर्ण होती हैं। यह ज्ञातव्य है कि सभी पर्याप्तियां एक अंतर्मुहूर्त्त में पूरी हो जाती हैं। इसे जानने के लिए अंतर्मुहूर्त्त के तीन भेदों को समझना होगा। जघन्य अंतर्मुहूर्त्त का काल दो समय है। उत्कृष्ट अंतर्मुहूर्त्त का काल एक समय कम अड़तालीस मिनट है। मध्यम अंतर्मुहूर्त्त का काल जघन्य और उत्कृष्ट के बीच का है। पांच पर्याप्तियों के निर्माण में जो अंतर्मुहूर्त्त लगता है वह क्रमश: एक से दूसरी का अंतर्मुहूर्त्त बड़ा समझना चाहिए। पर्याप्तियों में लगने वाले अंतर्मुहूर्त्त के क्रम को निम्‍नोक्त उदाहरण से समझा जा सकता है

सूत कातनेवाली छह स्त्रियों ने रूई लेकर एक साथ सूत कातना प्रारंभ किया। मोटा सूत कातने वाली ने अपना काम जल्दी पूरा कर लिया। बारीक कातनेवाली देर से पूरा करती है यही बात पर्याप्तियों के सम्बन्ध में समझनी चाहिए।

पर्याप्तियों से लाभ

पर्याप्तियों का हमारे जीवन में महत्त्वपूर्ण स्थान है। आहार पर्याप्ति के द्वारा आहार के योग्य पुद्गलों का ग्रहण होता है, आहार के रूप में उनका परिणमन होता है और सारहीन पुद्गलों का विसर्जन होता है। इसी प्रकार शरीर आदि समस्त पर्याप्तियों के द्वारा अपने-अपने योग्य पुद्गलों का ग्रहण, परिणमन और विसर्जन होता है।

किस जीव में कितनी पर्याप्तियां?

पर्याप्तियां सब जीवों में समान नहीं होतीं। एकेन्द्रिय जीवों में प्रथम चार पर्याप्तियां होती हैं।

द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और असंज्ञी तिर्यंच पंचेन्द्रिय में प्रथम पांच पर्याप्तियां होती हैं।

असंज्ञी मनुष्य चौथी पर्याप्ति पूर्ण किये बिना ही मृत्यु को प्राप्त हो जाते हैं। अत: उनमें साढ़े तीन पर्याप्तियां ही पाती हैं।

संज्ञी मनुष्य, संज्ञी तिर्यंच, नारक और देव में सभी पर्याप्तियां पाई जाती हैं। इतना विशेष है कि देवों में मन और भाषा पर्याप्ति एक साथ पूर्ण होने के कारण उनमें पांच पर्याप्तियां कही जाती हैं।

♦

छठा बोल : प्राण दस

06

छठा बोल : प्राण दस

श्रोत्रेन्द्रिय प्राण, चक्षुरिन्द्रिय प्राण, घ्राणेन्द्रिय प्राण, रसनेन्द्रिय प्राण, स्पर्शनेन्द्रिय प्राण, मनोबल, वचनबल, कायबल, श्‍वासोच्छ्वास प्राण, आयुष्य प्राण।

प्राण—प्राण अर्थात् जीवन-शक्ति। जिसके संयोग से जीव जीवित-अवस्था को प्राप्त होता है और वियोग से मरण-अवस्था को प्राप्त होता है उसे प्राण कहते हैं। 'यह जीव है' ऐसी प्रतीति प्राणों से ही होती है। प्राणों के अभाव में प्राणी मृत्यु को प्राप्त हो जाता है।

पांचों इन्द्रियों की अपने-अपने विषय का ज्ञान करने की जो शक्ति है वह इन्द्रिय प्राण है। मनन करने, बोलने, शारीरिक क्रिया करने और श्‍वासोच्छ्वास की जो शक्ति है वह क्रमश: मनोबल, वचनबल, कायबल और श्‍वासोच्छ्वास प्राण है। जिस भव में जितने काल तक जीवित रहने की शक्ति है, वह आयुष्य प्राण है।

प्राण और पर्याप्ति का सम्बन्ध

प्राण और पर्याप्ति का घनिष्ठ सम्बन्ध है। प्राण आत्मिक शक्ति है और पर्याप्ति पौद्गलिक शक्ति है। प्राण-शक्ति होने पर भी पौद्गलिक शक्ति के अभाव में कोई कार्य नहीं हो सकता। इस दृष्टि से पर्याप्ति प्राण का कारण है। इन्द्रिय पर्याप्ति पांच इन्द्रिय प्राण का कारण है।

श्‍वासोच्छ्वास पर्याप्ति, भाषा पर्याप्ति, मन पर्याप्ति और शरीर पर्याप्ति क्रमश: श्‍वासोच्छ्वास प्राण, वचन बल, मनोबल और कायबल का कारण है। आहार पर्याप्ति आयुष्य प्राण का कारण है।

दसों ही प्राणों का अपना अपना महत्त्व है। अपना-अपना कार्य है पर सभी प्राणों में आयुष्य प्राण प्रमुख है। दसों प्राणों में कोई एक प्राण शक्ति अपना काम न करे तो भी प्राणी की मृत्यु नहीं होती, जब तक आयुष्य प्राण क्रियाशील है। आयुष्य प्राण समाप्त होते ही समस्त क्रियाएं बन्द हो जाती हैं और प्राणी की मृत्यु हो जाती है।

पर्याप्ति और प्राण के सम्बन्ध को एक वायुयान के उदाहरण से समझा जा सकता है। वायुयान आकाश में गति करता है, पर वह गति तब कर सकता है जब उसे ईंधन आदि बाहरी सामग्री मिले। ठीक इसी तरह जीव की कोई भी क्रिया ऐसी नहीं होती जिसमें पुद्गल की शक्ति का योग न हो।

किस जीव में कितने प्राण?

पर्याप्ति की तरह प्राण भी सब जीवों में समान नहीं होते।

एकेन्द्रिय जीवों में प्राण चार पाते हैं—स्पर्शनेन्द्रिय प्राण, काय बल प्राण, श्‍वासोच्छ्वास प्राण, आयुष्य प्राण।

द्वीन्द्रिय जीवों में प्राण छह पाते हैं—चार पूर्ववत, रसनेन्द्रिय प्राण और वचनबल प्राण और हो जाते हैं।

द्वीन्द्रिय जीवों में प्राण छह पाते हैं—चार पूर्ववत, रसनेन्द्रिय प्राण और वचनबल प्राण और हो जाते हैं।

चतुरिन्द्रिय जीवों में आठ पाते हैं—सात पूर्ववत, चक्षुरिन्द्रिय प्राण और हो जाता है।

असंज्ञी पंचेन्द्रिय में नौ पाते हैं—आठ पूर्ववत, श्रोत्रेन्द्रिय प्राण और हो जाता है।

संज्ञी पंचेन्द्रिय में दसों प्राण पाते हैं।

♦

सातवां बोल : शरीर पांच

07

सातवां बोल : शरीर पांच

औदारिक शरीर, वैक्रिय शरीर, आहारक शरीर, तैजस शरीर, कार्मण शरीर।

शरीर—जिससे चलना-फिरना, खाना-पीना आदि सारी क्रियाएं होती हैं, सुख-दु:ख का अनुभव होता है, उत्पत्ति समय से लेकर जो हर क्षण नष्ट होता रहता है वह शरीर है। संसार में रहने वाला हर प्राणी चाहे छोटा हो या बड़ा, शरीरधारी होता है। जब तक आत्मा की मुक्ति नहीं होती तब तक वह अशरीरी नहीं बन सकती। शरीर संसारी प्राणी के लिए एक अस्थायी मकान की तरह है। मकान का अच्छा-बुरा,कच्चा-पक्का होना मकान में प्रयुक्त होनेवाली सामग्री (पत्थर, ईंट, चूना, सीमेन्ट, मिट्टी, घास-फूस आदि) पर निर्भर करता है। इसी प्रकार शरीर रूपी मकान की सामग्री भिन्न-भिन्न प्रकार की होती है। प्राणी अपनी शुभ-अशुभ प्रवृत्ति के द्वारा जिस प्रकार के कर्मों को आकर्षित करता है उन्हीं के अनुसार उसका शरीर बनता है। मुख्य रूप से शरीर पांच हैं।

औदारिक शरीर

उदार शब्द का अर्थ होता है—प्रधान। जो प्रधान पुद्गलों से बना है उसे औदारिक शरीर कहते हैं। तीर्थंकर, चक्रवर्ती, बलदेव, वासुदेव आदि प्रधान पुरुष इसी शरीर को धारण करते हैं। मोक्ष की प्राप्ति भी इसी शरीर से सम्भव है। उदार शब्द का एक अर्थ स्थूल भी है। जो शरीर स्थूल (बड़े) पुद्गलों से बना है, उसे भी औदारिक शरीर कहते हैं। इस शरीर में हड्डी-मांस आदि होते हैं। यह शरीर आहार करने से बढ़ता है। आहार न करने से कमजोर होता है। इसमें रोग, बुढ़ापा आदि आते हैं। इस शरीर का छेदन-भेदन किया जा सकता है। गलना, सड़ना एवं विनाश होना इस शरीर का स्वभाव है। यह शरीर नारक और देवों को छोड़कर सभी जीवों के होता है।

वैक्रिय शरीर

जिस शरीर से विविध प्रकार की क्रियाएं की जा सकती हैं उसे वैक्रिय शरीर कहते हैं। वैक्रिय शरीर नारक और देवों के जन्मगत होता है। वैक्रिय शरीरधारी प्राणी छोटे से छोटा, बड़े से बड़ा रूप बना सकता है। अपने शरीर से अनेक रूपों का निर्माण कर सकता है। आकाश में उड़ने योग्य शरीर बना सकता है, अदृश्य भी हो सकता है। इस शरीर में हड्डी-मांस नहीं होता। मरने के बाद कपूर की भांति उड़ जाता है। औदारिक शरीर की अपेक्षा वैक्रिय शरीर सूक्ष्म पुद्गलों से बना होता है।

आहारक शरीर

यह शरीर केवल मनुष्यों के ही होता है। मनुष्यों में भी विशिष्ट योग शक्ति सम्पन्न, चतुर्दश पूर्वधर (विशिष्ट ज्ञान राशि के धारक) मुनि के होता है। विशेष प्रयोजन उपस्थित होने पर आहारक लब्धि सम्पन्न मुनि एक हाथ जितना विशिष्ट पुद्गलों का शरीर बनाते हैं उसे आहारक शरीर कहते हैं। यह शरीर औदारिक और वैक्रिय की अपेक्षा सूक्ष्म पुद्गलों का होता है। स्फटिक के समान पारदर्शी होता है। यह अप्रतिहत गति वाला होता है। अर्थात् उसकी गति को नदी, पहाड़ आदि कोई भी रोक नहीं सकते।

आहारक शरीर के निर्माण का प्रयोजन

चौदह पूर्वों का स्वाध्याय करते समय मुनि को शंका उत्पन्न हो जाए अथवा कोई व्यक्ति मुनि से किसी गूढ़ विषय का प्रश्‍न पूछे और मुनि उसका उत्तर देने में असमर्थ हो तब वह मुनि आहारक पुद्गलों को ग्रहण कर एक सुन्दर आकृति का पुतला तैयार करता है। उसे सर्वज्ञ के पास भेजकर उत्तर मंगवाता है। पुतला उत्तर लेकर आता है। मुनि के शरीर में प्रवेश करता है। मुनि प्रश्‍नकर्त्ता को समुचित उत्तर देता है। ये सब क्रियाएं इतने कम समय में होती हैं कि पूछने वाले को यह पता भी नहीं लगता कि मुझे प्रश्‍न का उत्तर विलम्ब से मिला है।

तैजस शरीर

जो शरीर आहार आदि पचाने में समर्थ है वह तैजस शरीर है। तैजस शरीर उपरोक्त तीनों शरीरों से सूक्ष्म होता है। नया जन्म लेते समय नये शरीर के निर्माण में कार्मण शरीर के साथ काम करता है। इस शरीर को विद्युत शरीर भी कहा जाता है। यह शरीर तेजोमय पुद्गलों का बना होता है। मृत्यु के बाद औदारिक शरीर ठंडा पड़ जाता है इसका कारण तैजस शरीर का न रहना है।

कार्मण शरीर

आठों कर्मों के पुद्गल समूह से जो शरीर बनता है उसे कार्मण शरीर कहते हैं। आत्मा एक स्थूल शरीर को छोड़कर दूसरे स्थूल शरीर में तभी प्रवेश कर सकती है जब कार्मण शरीर आत्मा के साथ हो। तैजस शरीर कार्मण शरीर का सहचारी है। कार्मण शरीर तभी छूटता है जब जीव की मुक्ति होती है। उससे पहले कर्मों का प्रवाह चालू रहता है। पुराने कर्मों का क्षय होता रहता है और नये कर्म आते रहते हैं।

शरीर के अंगोपांग

अंगोपांग अर्थात् हाथ-पैर आदि अवयव। औदारिक, वैक्रिय और आहारक—इन तीन शरीरों के अंगोपांग होते हैं। तैजस, कार्मण शरीर के अंगोपांग नहीं होते।

♦

आठवां बोल : योग पन्द्रह

08

आठवां बोल : योग पन्द्रह

मनोयोग के 4 भेद—सत्य मनोयोग, असत्य मनोयोग, मिश्र मनोयोग, व्यवहार मनोयोग।

वचनयोग के 4 भेद—सत्य वचनयोग, असत्य वचनयोग, मिश्र वचनयोग, व्यवहार वचनयोग।

काययोग के 7 भेद—औदारिक काययोग, औदारिकमिश्र काययोग, वैक्रिय काययोग, वैक्रियमिश्र काययोग, आहारक काययोग, आहारक मिश्र काययोग, कार्मण काययोग।

योग का अर्थ है प्रवृत्ति करना, क्रिया करना। प्रवृत्ति के तीन साधन हैं—मन, वचन और शरीर। इन तीनों के द्वारा होने वाले आत्म-प्रयत्‍न को योग कहते हैं। कोई भी आत्म-प्रयत्‍न बिना पौद्गलिक सहायता के नहीं होता। अत: योग को दो भागों में विभक्त किया गया है—द्रव्य योग, भाव योग। आत्म-प्रयत्‍न में जिस पौद्गलिक शक्ति के सहयोग की अपेक्षा होती है वह द्रव्य योग है और आत्म-प्रयत्‍न भाव योग है।

योग मूलत: तीन ही हैं। विस्तार से समझने के लिए उनके पन्द्रह भेद किये गये हैं।

मनोयोग—मनोवर्गणा के पुद्गलों की सहायता से मन के द्वारा चिन्तन मनन करने की जो प्रवृत्ति है वह मनोयोग है। उसके चार प्रकार हैं

सत्य मनोयोग—सत्य के विषय में होनेवाली मन की प्रवृत्ति।

असत्य मनोयोग—असत्य के विषय में होनेवाली मन की प्रवृत्ति।

मिश्र मनोयोग—कुछ सत्य और कुछ असत्य—इस प्रकार मिश्र विषय में होनेवाली मन की प्रवृत्ति।

व्यवहार मनोयोग—मन की जो प्रवृत्ति सत्य भी नहीं होती, असत्य भी नहीं होती, आदेश-उपदेश देने का चिन्तन होता है।

वचनयोग—भाषा वर्गणा के पुद्गलों के सहारे जीव की जो वचन विषयक प्रवृत्ति है वह वचनयोग है। उसके चार प्रकार हैं

सत्य वचनयोग—सत्य भाषा का प्रयोग करना।

असत्य वचनयोग—असत्य भाषा का प्रयोग करना।

मिश्र वचनयोग—सत्य-असत्य मिश्रित वचन का प्रयोग करना।

व्यवहार वचनयोग—आदेश-उपदेश देना।

काययोग—काय वर्गणा के पुद्गलों की सहायता से होनेवाली शरीर की प्रवृत्ति काययोग है। उसके सात प्रकार हैं

औदारिक काययोग—औदारिक शरीरवाले मनुष्य व तिर्यंचों के शरीर पर्याप्ति पूर्ण होने के बाद औदारिक शरीर से हलन-चलन आदि क्रिया की जाती है वह औदारिक काययोग है।

औदारिकमिश्र काययोगयह चार स्थानों पर होता है

(क) मनुष्य और तिर्यंच गति में उत्पन्न होते समय जीव आहार तो ग्रहण कर लेता है पर जब तक शरीर पर्याप्ति पूर्ण नहीं होती उस अवस्था में कार्मण के साथ औदारिक का मिश्र होता है।

(ख) वैक्रिय लब्धि वाले मनुष्य व तिर्यंच वैक्रिय रूप बनाते हैं, परन्तु जब तक वह पूरा नहीं बनता तब तक वैक्रिय काययोग के साथ औदारिक का मिश्र होता है।

(ग) विशिष्ट योग-शक्ति सम्पन्न मुनि जब आहारक शरीर बनाता है परन्तु जब तक वह पूरा नहीं बनता तब तक आहारक काययोग के साथ औदारिक का मिश्र होता है।

(घ) केवली-समुद्घात के समय दूसरे, छठे औैर सातवें समय में कार्मण के साथ औदारिक का मिश्र होता है।

वैक्रिय काययोग—देवता और नारकी में शरीर पर्याप्ति पूर्ण होने के बाद वैक्रिय शरीर से तथा मनुष्य और तिर्यंच में लब्धिजन्य वैक्रिय शरीर से जो क्रिया होती है वह वैक्रिय काययोग है।

वैक्रियमिश्र काययोग—यह दो स्थानों पर होता है

(क) देवता और नारकी में उत्पन्न होनेवाला जीव आहार ले लेता है। परन्तु शरीर पर्याप्ति पूर्ण नहीं होती तब तक कार्मण के साथ वैक्रिय का मिश्र होता है।

(ख) वैक्रिय लब्धिवाले मनुष्य व तिर्यंच वैक्रिय रूप बनाकर पुन: समेटते हैं, जब तक औदारिक शरीर पूरा नहीं बन जाता तब तक औदारिक के साथ वैक्रिय का मिश्र होता है।

आहारक काययोग—आहारक शरीर पूरा बनकर अपनी क्रिया करता है तब वह आहारक काययोग है।

आहारकमिश्र काययोग—आहारक शरीर अपना कार्य पूरा कर औदारिक शरीर में प्रवेश करता है। जब तक औदारिक शरीर पूर्ण नहीं बनता तब तक औदारिक के साथ आहारक का मिश्र होता है।

कार्मण काययोग—केवल कार्मण शरीर से जो क्रिया होती है वह कार्मण काययोग है। यह अनाहारक अवस्था में होता है। अनाहारक अवस्था दो स्थानों पर होती है—1. अन्तराल गति में 2. केवलि समुद्घात के समय।

अन्तराल गति

अन्तराल गतिजीव एक भव से दूसरे भव में जाता है तब बीच में होनेवाली गति को अन्तराल गति कहते हैं। यह गति दो प्रकार की होती है—ऋजु गति, वक्रगति। इन दोनों गतियों का संबंध मृत्यु के बाद होनेवाले उत्पत्ति स्थान से है। उत्पत्ति स्थान यदि समश्रेणी में है तो जीव जिस समय शरीर छोड़ता है उसी समय में सीधा अपने अगले जन्म स्थान में पहुंच जाता है। इसे ऋजु गति (सीधी गति) कहते हैं। उत्पत्ति स्थान यदि समश्रेणी में नहीं होता है तो जीव को घुमाव लेना पड़ता है, उसे वक्रगति कहते हैं। वक्रगति में एक घुमाव से लेकर तीन घुमाव तक हो सकते हैं। एक घुमाव होता है तो दो समय लगते हैं। दो घुमाव होते हैं तो तीन समय लगते हैं और तीन घुमाव होते हैं तो चार समय लगते हैं। दो और तीन समय वाली गति में जीव जहां जाकर उत्पन्न होता है उसी समय आहार लेता है। शेष समय अनाहारक होता है। जहां चार समय लगते हैं वहां पहला और चौथा समय आहारक होता है। मध्यवर्ती दो समय अनाहारक माने गए हैं। वहां कार्मण काययोग होता है। यह ज्ञातव्य है कि जहां औदारिक, वैक्रिय और आहारक शरीर का योग नहीं होता है वहीं कार्मण काययोग होता है। कार्मण काययोग अनाहारक अवस्था में ही होता है।

प्रश्‍न हो सकता है कि दो समय और तीन समय की गति में प्रथम समय अनाहारक है तो फिर चार समय वाली गति में पहला समय आहारक कैसे हुआ? जैन सिद्धान्त की अवधारणा है कि कोई भी छद्मस्थ जीव दो समय से अधिक अनाहारक नहीं रह सकता है। इस अवधारणा के आधार पर ग्रन्थकारों के अनुसार चार समय वाली अन्तराल गति में जीव जिस समय पहला शरीर छोड़ता है उस समय उस शरीर के ओज आहार का वेग साथ लेकर जाता है वह समय ही आहारक माना गया है। चौथे समय में जीव जहां उत्पन्न होता है वहां आहार लेता है। यदि प्रथम समय को अनाहारक मानें तो तीन समय अनाहारक मानना पड़ेगा। जबकि तीन समय सिद्धान्तत: अनाहारक नहीं हो सकते इसलिए पहला और चौथा समय आहारक माना गया है। मध्यवर्ती दो समय अनाहारक माने गए हैं।

घुमाव क्यों?

घुमाव का सम्बन्ध कर्मों के हलकेपन या भारीपन से नहीं है, उत्पत्ति स्थान से है। जीव का स्वभाव है कि तिरछी गति नहीं करता। यदि उत्पत्ति स्थान समश्रेणी में नहीं है तो जीव को समश्रेणी में आने के लिए घुमाव करने पड़ते हैं। इसे उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसे, किसी व्यक्ति को अपने रिश्तेदार के घर जाना है। वह घर उसके घर के ठीक सामने है तो सीधा पहुंच जाएगा। इसके समान ऋजुगति समझनी चाहिए। यदि सामने नहीं है, दो-तीन गलियों को पार करके जाना है तो मोड़ लेने पड़ेंगे। इसके समान वक्रगति समझनी चाहिए। दूसरा उदाहरण वायुयान का लिया जा सकता है। वायुयान भी तिरछी गति नहीं करता। जैसे वायुयान के पथ बने हुए हैं वैसे ही वह मोड़ लेता है। ठीक इसी तरह जीव की गति समझनी चाहिए।

यह ज्ञातव्य है कि जीव को लोक के किसी भी कोने से मरकर अगले उत्पत्ति स्थान में जन्म लेना है तो तीन घुमाव में तो वह अवश्य ही अपने गन्तव्य तक पहुंच जाएगा।

केवलिसमुद्घात

समुद्घात का अर्थ है—आत्मप्रदेशों को फैलाना। समुद्घात सात प्रकार के होते हैं। जो समुद्घात केवलज्ञानी के होता है, उसे केवलिसमुद्घात कहते हैं। केवलिसमुद्घात सब केवली के नहीं होता। छह महीने की आयु शेष रहे उस समय जिनको केवलज्ञान होता है उनके हो सकता है। आयुष्य कर्म कम और शेष तीन कर्म वेदनीय, नाम और गोत्र अधिक होते हैं, तब उसके समीकरण के लिए निर्वाण होने के अंतर्मुहूर्त्त पहले केवलिसमुद्घात होता है। यह समुद्घात प्रयत्‍नपूर्वक नहीं किया जाता, स्वत: होता है। इस समुद्घात में आठ समय लगते हैं। केवलिसमुद्घात के समय केवलज्ञानी समस्त आत्मप्रदेशों को पूरे लोक में फैलाता है। आत्मा के असंख्य प्रदेश होते हैं और लोक के भी असंख्य प्रदेश होते हैं। लोक के एक-एक प्रदेश पर एक-एक आत्मप्रदेश अवस्थित हो जाता है। प्रथम चार समय में समग्र लोकाकाश क्रमश: आत्मप्रदेशों से भर जाता है और अन्तिम चार समय में क्रमश: आत्म प्रदेश सिमटते हुए मूल देह में अवस्थित हो जाते हैं। इन आठ समयों में तीसरे, चौथे और पांचवें समय में कार्मण काययोग होता है।

तैजस शरीर का योग क्यों नहीं?

प्रश्‍न हो सकता है कि कार्मण काययोग की तरह तैजस काययोग क्यों नहीं होता? कार्मण काययोग से तैजस काययोग को अलग नहीं माना गया है क्योंकि ये दोनों एक साथ रहते हैं। औदारिक, वैक्रिय और आहारक शरीर तो कार्मण को कभी छोड़ भी देते हैं परन्तु तैजस उसे कभी नहीं छोड़ता। वीर्य का जो व्यापार कार्मण शरीर से होता है वही तैजस शरीर द्वारा होता है। अत: कार्मण काययोग में ही तैजस शरीर का समावेश हो जाता है।

किस जीव में कितने योग?

नारक और देवों में योग ग्यारह पाते हैं। चार मन के, चार वचन के, वैक्रिय, वैक्रिय मिश्र, कार्मण।

वायुकाय को छोड़कर चार स्थावर और असंज्ञी मनुष्य में योग तीन पाते हैं—औदारिक, औदारिकमिश्र, कार्मण।

वायुकाय में योग पांच पाते हैंऔदारिक, औदारिकमिश्र, वैक्रिय, वैक्रियमिश्र, कार्मण।

द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और असंज्ञी तिर्यंच पंचेन्द्रिय में योग चार पाते हैं—औदारिक, औदारिकमिश्र, व्यवहार वचनयोग, कार्मण।

यौगलिक में योग ग्यारह पाते हैं—चार मन के, चार वचन के, औदारिक, औदारिकमिश्र, कार्मण।

गर्भज तिर्यंच एवं मनुष्यणी में योग तेरह पाते हैं—आहारक, आहारकमिश्र को छोड़कर।

गर्भज मनुष्य में योग पन्द्रह पाते हैं।

नोट 1. वायुकाय वैक्रिय कर सकती है इसलिए वायुकाय में वैक्रिय व वैक्रियमिश्र लिया गया है। 2. यौगलिक वैक्रिय नहीं करते। 3. आहारक शरीर एक विशेष प्रकार की लब्धि है। यह पूर्वधर मुनि को ही प्राप्त होती है। साध्वी पूर्वों का ज्ञान नहीं कर सकती। इसलिए मनुष्यणी में आहारक शरीर नहीं लिया गया है।

♦

नौवां बोल : उपयोग बारह

09

नौवां बोल : उपयोग बारह

पांच ज्ञान—मतिज्ञान, श्रुतज्ञान, अवधिज्ञान, मन:पर्यवज्ञान, केवलज्ञान।

तीन अज्ञान—मतिअज्ञान, श्रुतअज्ञान, विभंगअज्ञान।

चार दर्शनचक्षु:दर्शन, अचक्षु:दर्शन, अवधिदर्शन, केवलदर्शन।

उपयोग जीव का लक्षण है। यह जीव और अजीव दोनों में भेद रेखा खींचनेवाला है। कोई भी जीव ऐसा नहीं जिसमें यत्किंचित् उपयोग न हो। उपयोग का सामन्य अर्थ है—काम में लेना। ज्ञान और दर्शन को काम में लेने का नाम उपयोग है। ज्ञान आत्मा का गुण है। गुण गुणी से कभी अलग नहीं हो सकता। जैसे अग्‍नि से उष्णता को अलग नहीं किया जा सकता वैसे ही आत्मा से ज्ञान अलग नहीं हो सकता। ज्ञान का काम है जानना।

किसी भी वस्तु को जानने के दो प्रकार हैं-सामान्य रूप से जानना और विशेष रूप से जानना। जब हम विशेष की उपेक्षा कर सामान्य ज्ञान करना चाहते हैं तो वह दर्शन कहलाता है। जब हम सामान्य की उपेक्षा कर विशेष ज्ञान करना चाहते हैं तो वह ज्ञान कहलाता है। इन दोनों को एक उदाहरण से समझा जा सकता है।

किसी व्यक्ति ने एक सभा को देखा। मात्र इतना सा जाना कि यहां लोग बैठे हैं। यह सामान्य उपयोग हुआ। इसे दर्शनोपयोग कहा गया है। इस सभा में अमुक-अमुक लोग बैठे हैं, अमुक व्यक्ति अध्यक्षता कर रहा है, अमुक व्यक्ति वक्तव्य दे रहा है यह विशेष उपयोग हुआ। इसे ज्ञानोपयोग कहा गया है। ज्ञानोपयोग को साकार उपयोग और दर्शनोपयोग को अनाकार उपयोग भी कहा जाता है। साकार उपयोग अर्थात् भिन्न-भिन्न आकार के रूप में जानना। अनाकार उपयोग अर्थात् एकाकार रूप में जानना।

ज्ञान, अज्ञान और दर्शन इन तीन के आधार पर उपयोग के बारह भेद किये गए हैं।

पांच ज्ञान

मतिज्ञान—इन्द्रिय और मन की सहायता से होनेवाला ज्ञान मतिज्ञान है। जातिस्मृति ज्ञान भी इसी के अंतर्गत आता है।

श्रुतज्ञानशब्द, संकेत आदि के माध्यम से अथवा गुरु के उपदेश से जो ज्ञान होता है वह श्रुतज्ञान है। यह ज्ञान भी इन्द्रिय और मन की सहायता से होता है। यह मतिज्ञान के बाद होता है।

मतिज्ञान और श्रुतज्ञान का सम्बन्ध

मतिज्ञान और श्रुतज्ञान दोनों में गहरा सम्बन्ध है। ये दोनों साथ-साथ रहते हैं। इनमें कार्य कारण सम्बन्ध है। मतिज्ञान कारण है, श्रुतज्ञान कार्य है। मतिज्ञान चिन्तनात्मक है। वह स्वयं के लिए उपयोगी है। श्रुतज्ञान आदेश-उपदेश आदि के द्वारा दूसरों के लिए उपयोगी बनता है। मतिज्ञान वर्तमान विषयक है, श्रुतज्ञान त्रिकाल विषयक है।

मतिज्ञान और श्रुतज्ञान सहचारी होने पर भी दोनों का क्षयोपशम अलग-अलग होता है। कई बार देखा जाता है कि एक व्यक्ति के पास ज्ञान और अनुभव अच्छा है पर दूसरों को समझाने की कला नहीं है। उसका मतिज्ञान अच्छा है। श्रुतज्ञान कमजोर है। एक व्यक्ति के पास ज्ञान कम है पर दूसरों को समझाने का तरीका अच्छा है। उसका मतिज्ञान कमजोर है, श्रुतज्ञान अच्छा है।

मतिज्ञान और श्रुतज्ञान के सिवाय शेष तीन ज्ञान में इन्द्रिय और मन की सहायता की जरूरत नहीं होती। वे आत्म-प्रत्यक्ष होते हैं।

अवधिज्ञान

अवधि का अर्थ है मर्यादा/सीमा। द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव की सीमा के साथ जो रूपी पदार्थों का ज्ञान होता है वह अवधिज्ञान है। किसी को एक दिशा का ज्ञान अधिक हो सकता है। किसी को दूसरी दिशा का ज्ञान अधिक हो सकता है। किसी को ऊपर की दिशा का ज्ञान अधिक हो सकता है। किसी को नीचे की दिशा का ज्ञान अधिक हो सकता है। किसी व्यक्ति को जिस स्थान पर ज्ञान होता है वह उसी स्थान से जान सकता है, दूसरे स्थान पर चला जाए तो ज्ञान समाप्त हो जाता है। आने के बाद ज्ञान रह भी सकता है, जा भी सकता है। इस प्रकार अवधिज्ञान की अनेक मर्यादाएं हैं।

अवधिज्ञान के प्रकार

अवधिज्ञान दो प्रकार का होता है—भव सम्बन्धी अवधिज्ञान और क्षयोपशम सम्बन्धी अवधिज्ञान। भव सम्बन्धी अवधिज्ञान नारक और देवों के होता है। नरकगति और देवगति में उत्पन्न होनेवाले हर प्राणी में अवधिज्ञान होता है। संज्ञी मनुष्य और संज्ञी तिर्यंच को अवधिज्ञान क्षयोपशम जनित हो सकता है। वह अवधिज्ञान छोटा-बड़ा अनेक प्रकार का होता है। अवधिज्ञान यदि सम्पूर्ण हो तो वह पूरे लोक के रूपी द्रव्यों को जान सकता है।

मन:पर्यवज्ञान

मनोवर्गणा के द्वारा संज्ञी (समनस्क) प्राणियों के मनोगत भावों को जाननेवाला ज्ञान मन:पर्यवज्ञान है। मन:पर्यवज्ञान का विषय अवधिज्ञान की तरह रूपी पदार्थ ही है। भाव अरूपी होते हैं। उन्हें द्रव्यमन (मनोवर्गणा) के आधार पर ही जाना जाता है।

मन:पर्यवज्ञान क्यों?

अवधिज्ञान के द्वारा लोक के समस्त रूपी द्रव्यों का ज्ञान किया जा सकता है। मन भी पौद्गलिक है, रूपी है। वह भी अवधिज्ञान के द्वारा जाना जा सकता है फिर मन की अवस्थाओं को जानने के लिए मन:पर्यवज्ञान अलग क्यों? इस प्रश्‍न का समाधान फिजिशियन डॉक्टर और स्पेशलिस्ट डॉक्टर के उदाहरण से समझा जा सकता है। फिजिशियन डॉक्टर हार्ट की बीमारी को सामान्य रूप से जान सकता है, पर हार्ट का स्पेशलिस्ट उसको सूक्ष्मता से जान सकता है। यही बात अवधिज्ञानी और मन:पर्यवज्ञानी के संदर्भ में समझनी चाहिए। मन:पर्यवज्ञानी मन की अवस्थाओं का ज्ञान जितनी सूक्ष्मता से करता है, अवधिज्ञानी उतनी सूक्ष्मता से नहीं कर सकता।

अवधिज्ञान और मन:पर्यवज्ञान में अन्तर

अवधिज्ञान और मन:पर्यवज्ञान में चार बातों का अन्तर है—विशुद्धिकृत, क्षेत्रकृत, स्वामीकृत और विषयकृत।

विशुद्धि कृत—अवधिज्ञानी जिन मनोद्रव्यों को जानता है उन्हीं को मन:पर्यवज्ञानी विशुद्धतर जानता है।

क्षेत्रकृत—अवधिज्ञान अंगुल के असंख्यातवें भाग से लेकर समग्र लोक को जानता है। मन:पर्यवज्ञान मनुष्य क्षेत्र तक ही सीमित है।

स्वामीकृत—अवधिज्ञान साधु, श्रावक, असंयत किसी को भी हो सकता है। मन:पर्यवज्ञान साधु को ही होता है।

विषयकृत—अवधिज्ञान का विषय रूपी द्रव्य और उनके पर्याय हैं। मन:पर्यवज्ञान का विषय उनका अनन्तवां भाग है।

मन:पर्यवज्ञान के प्रकार

मन:पर्यवज्ञान दो प्रकार का होता है—ऋजुमति, विपुलमति। ऋजुमति सामान्य रूप से मानसिक पुद्गलों को ग्रहण करनेवाली मति है। विपुलमति विशेष पर्यायों को ग्रहण करनेवाली मति है।

केवलज्ञान

वर्तमान, भूत और भविष्य—तीनों कालों के रूपी-अरूपी समस्त द्रव्यों एवं उनकी पर्यायों को जाननेवाले ज्ञान को केवलज्ञान कहते हैं।

तीन अज्ञान

इनका वर्णन तीन ज्ञान की तरह ही है। ज्ञान अज्ञान में अंतर केवल पात्र का ही है।

सम्यक्दृष्टि का ज्ञान ज्ञान कहलाता है। मिथ्यादृष्टि का ज्ञान अज्ञान कहलाता है। अज्ञान के भेदों में अवधि के स्थान पर विभंग शब्द दिया गया है।

मन:पर्यवज्ञान सम्यक्दृष्टि के ही होता है। सम्यक्दृष्टि में भी विशिष्ट योगियों के ही होता है, मिथ्यात्वी के नहीं। अत: अज्ञान तीन ही होते हैं।

चार दर्शन

चक्षुदर्शन—चक्षु इन्द्रिय की सहायता से पदार्थों का होनेवाला सामान्य ज्ञान।

अचक्षुदर्शन—आंख के अतिरिक्त अन्य इन्द्रियों व मन की सहायता से पदार्थों का होने वाला सामान्य ज्ञान।

अवधिदर्शन—इन्द्रिय और मन की सहायता के बिना आत्मशक्ति से पदार्थों का होनेवाला सामान्य ज्ञान।

केवलदर्शन—त्रिकालवर्ती सभी रूपी व अरूपी द्रव्यों व पदार्थों का होनेवाला सामान्य ज्ञान। मन:पर्यव दर्शन क्यों नहीं?

दर्शन का विषय है सामान्य ज्ञान। मन:पर्यवज्ञान से मन की विशेष अवस्थाएं ही जानी जाती हैं, सामान्य नहीं। अत: मन:पर्यव दर्शन नहीं होता।

उपयोग किसमें कितने?

एकेन्द्रिय में उपयोग तीन पाते हैं—मतिअज्ञान, श्रुतअज्ञान, अचक्षुदर्शन।

द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय में उपयोग पांच पाते हैं—मतिज्ञान, श्रुतज्ञान, मतिअज्ञान, श्रुतअज्ञान, अचक्षुदर्शन।

चतुरिन्द्रिय एवं असंज्ञी तिर्यंच पंचेन्द्रिय में उपयोग छह पाते हैं—उपरोक्त पांच और एक चक्षु दर्शन।

संज्ञी पंचेन्द्रिय में उपयोग दस पाते हैं—केवलज्ञान, केवलदर्शन छोड़कर।

केवलज्ञानी में उपयोग दो पाते हैं—केवलज्ञान, केवलदर्शन।

♦

दसवां बोल : कर्म आठ

10

दसवां बोल : कर्म आठ

ज्ञानावरणीय कर्म, दर्शनावरणीय कर्म, वेदनीय कर्म, मोहनीय कर्म, आयुष्य कर्म, नाम कर्म, गोत्र कर्म, अन्तराय कर्म।

कर्म—जीव की शुभ-अशुभ प्रवृत्ति के द्वारा आकर्षित होनेवाले जो पुद्गल आत्मा के साथ एकीभूत हो जाते हैं वे कर्म कहलाते हैं। कर्म आत्मगुणों को आवृत करने वाले, विकृत करनेवाले, रोकनेवाले, सुख-दु:ख देनेवाले, उच्च-नीच, यश-अपयश आदि के हेतु बनते हैं। संसारी प्राणी की विविधताओं का कारण कर्म ही है। कोई विद्वान है, कोई मूर्ख है, कोई धनी है, कोई निर्धन है, कोई लेखक है, कोई वक्ता है, कोई स्वामी है, कोई सेवक है, कोई सुखी है, कोई दु:खी है, किसी का संयोग होता है, किसी का वियोग होता है। इन सबका आन्तरिक कारण कर्म ही है।

जैन दर्शन के अनुसार आत्मा ही कर्म करनेवाली है और जैसे कर्म करती है उसी के अनुसार फल भोगनेवाली है। कोई भी ईश्‍वरीय शक्ति नहीं जो आत्मा को दण्ड व पुरस्कार स्वरूप सुख-दु:ख दे। कर्म आठ हैं। आठों ही कर्म आत्मा के अलग-अलग गुणों को रोकनेवाले हैं।

ज्ञानावरणीय कर्म— हर आत्मा में अनन्त ज्ञान की सत्ता विद्यमान है। ज्ञानावरणीय कर्म उस ज्ञान चेतना को प्रकट होने में रुकावट डालता है। जब तक इस कर्म का क्षय नहीं होता है आत्मा को केवलज्ञान की प्राप्ति नहीं होती। इसे आंख पर बंधी हुई पट्टी के उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसे आंख पर पट्टी बांध लेने पर कुछ भी दिखाई नहीं देता वैसे ही ज्ञानावरणीय कर्म जानने में रुकावट डालता है। आंख पर बंधी हुई पट्टी पतली भी हो सकती है, मोटी भी हो सकती है। वैसे ही ज्ञानावरणीय का उदय सघन होता है तो ज्ञान चेतना अधिक आवृत होती है। उदय हल्का होता है तो ज्ञान चेतना कम आवृत होती है। किसी की स्मृति कम, किसी की स्मृति अधिक, किसी की बुद्धि कम, किसी की बुद्धि अधिक, यह ज्ञानावरणीय कर्म की सघनता और हल्केपन का ही प्रभाव है।

दर्शनावरणीय कर्म—यह कर्म आत्मा के दर्शन गुणसामान्य बोध को आवृत करता है। जब तक इस कर्म का क्षय नहीं होता है आत्मा को केवल दर्शन की प्राप्ति नहीं होती। इस कर्म को द्वारपाल के उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसे द्वारपाल अधिकारी से भेंट करने में रुकावट डालता है वैसे ही दर्शनावरणीय कर्म सामान्य अवबोध में बाधक बनता है।

वेदनीय कर्म—इस कर्म से जीव को शारीरिक और मानसिक सुख-दु:ख का अनुभव होता है। इसके दो भेद हैं-सातावेदनीय और असातावेदनीय। सातावेदनीय से सुख का और असातावेदनीय से दु:ख का अनुभव होता है। इस कर्म का उदय आत्मिक सुख में बाधक है। इस कर्म को मधु से लिप्त तलवार की धार से समझा जा सकता है। तलवार की धार पर लगे शहद को चाटने से स्वाद की अनुभूति होती है, उसके समान सातावेदनीय है। धार से जीभ कट जाती है, उसके समान असातावेदनीय है।

मोहनीय कर्म—यह कर्म आत्मा की विवेक चेतना को लुप्त करता है। इससे प्राणी की करणीय, अकरणीय, हित, अहित को पहचानने की बुद्धि नष्ट हो जाती है। कषायों में आत्मा को प्रवृत कराने वाला यही कर्म है। इस कर्म का उदय जब तक रहता है, क्षायिक सम्यक्त्व की प्राप्ति नहीं होती। आत्मा का वीतराग गुण प्रकट नहीं होता। मोहनीय कर्म को मदिरापान के उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसे मदिरापान करनेवाला प्राणी अपनी सुधबुध खो देता है वैसे ही मोहनीय कर्म के उदय से प्राणी विवेक हीन हो जाता है। इस कर्म के दो भेद हैं—दर्शन मोहनीय, चारित्र मोहनीय। दर्शन मोहनीय के उदय से तत्त्व श्रद्धा विपरीत होती है। चारित्र मोहनीय के उदय से जीव विषय भोगों में आसक्त रहता है।

आयुष्य कर्म—किसी एक गति में निश्‍चित अवधि तक जीव को बांधकर रखने वाला कर्म आयुष्य कर्म है। जीव एक गति से दूसरी गति में जाता है, और वहां रहता है, इसका कारण आयुष्य कर्म ही है। आयुष्य कर्म को कारावास के उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसे कारावास में रहा हुआ व्यक्ति निश्‍चित अवधि से पहले बाहर नहीं निकल सकता, वैसे ही निश्‍चित आयुष्य को पूरा भोगे बिना जीव एकभव से दूसरे भव में नहीं जा सकता। एक जन्म की आयु समाप्त होने से पहले ही अगले जन्म की आयु निश्‍चित होने के कारण जीव एक जन्म से छूट कर भी मुक्त नहीं हो सकता। इस कर्म का उदय आत्मा के अटल अवगाहन गुण (शाश्‍वत-स्थिरता) को प्रकट नहीं होने देता।

प्रश्‍न हो सकता है कि कई बार दुर्घटना, आत्महत्या आदि अनेक ऐसे कारण होते हैं जिससे अचानक एक साथ कई प्राणी मृत्यु को प्राप्त हो जाते हैं, ऐसा क्यों?

इस प्रश्‍न के संदर्भ में हमें आयुष्य के दो प्रकारों पर विचार करना होगा। आयुष्य के दो प्रकार हैं—अपवर्तनीय आयु और अनपवर्तनीय आयु। बाह्य निमित्त को पाकर आयुष्य बीच में टूट जाता है उसे अपवर्तनीय आयु कहते हैं। जितना आयुष्य होता है, उतना पूरा भोगने के बाद ही प्राणी की मृत्यु होती है, उसे अनपवर्तनीय आयु कहते हैं। देव, नारक, यौगलिक मनुष्य-तिर्यंच तथा तीर्थंकर, चक्रवर्ती आदि उत्तम पुरुषों की आयु अनपवर्तनीय होती है। वे पूरी आयु भोगते हैं। शेष प्राणियों की आयु दोनों प्रकार की हो सकती है। दुर्घटना आदि में जिनकी मृत्यु होती है उनका आयुष्य यदि पहले नहीं बंधा हो तो वे अंतिम अंतर्मुहूर्त के समय में एक साथ पूरा आयुष्य भोगकर, आगामी गति का आयुष्य बांधकर मृत्यु को प्राप्त होते हैं।

नाम कर्म—इस कर्म के उदय से जीव की गति, जाति, शरीर, संहनन, संस्थान, कुरूपता, सुरूपता आदि का निर्धारण होता है। इस कर्म का जब तक उदय रहता है, आत्मा का अमूर्तिकपन प्रकट नहीं होता। नाम कर्म को चित्रकार के उदाहरण से समझाया गया है। जैसे चित्रकार नये-नये चित्रों का निर्माण करता है वैसे ही इस कर्म के उदय से अलग-अलग प्रकार के शरीर, रूप, अवयव आदि बनते हैं। नाम कर्म शुभ, अशुभ दोनों प्रकार का होता है। सुन्दर शरीर, सुन्दर रूप, सुन्दर आकृति, मधुर स्वर, सुयश आदि की प्राप्ति में शुभ नाम कर्म कारण बनता है। इसके विपरीत कुरूप शरीर आदि में अशुभ नाम कर्म कारण बनता है।

गोत्र कर्म—इस कर्म के कारण प्राणी हीन व उच्च दृष्टि से देखा जाता है। जब तक इस कर्म का उदय रहता है आत्मा का अगुरुलघुपन (न बड़ापन, न छोटापन) गुण प्रकट नहीं होता। गोत्र कर्म को कुम्भकार के उदाहरण से समझाया गया है। कुम्भकार चाहे जैसे छोटे-बड़े घड़ों को तैयार करता है। उनमें कुछ घड़े कुंकुम, केसर, आदि से पूजा को प्राप्त करते हैं और कुछ घड़े अस्पृश्य व्यक्ति के हाथ में जाकर अनादर को प्राप्त करते हैं। वैसे ही गोत्र कर्म से जीव ऊंची दृष्टि से देखे जानेवाले, हीन दृष्टि से देखे जानेवाले उच्च-नीच आदि बनते हैं।

अन्तराय कर्मअन्तराय का अर्थ है बाधक बनना, किसी कार्य में अन्तराय डालना। इस कर्म का उदय आत्मा को दान, लाभ, भोग, उपभोग और वीर्य (पुरुषार्थ) में रुकावट डालता है। जब तक अन्तराय कर्म का उदय रहता है आत्मा को क्षायिक लब्धि प्राप्त नहीं होती।

अन्तराय कर्म को कोषाध्यक्ष के उदाहरण से समझाया गया है। अधिकारी का आदेश हो जाने पर भी कोषाध्यक्ष की अनुकूलता के बिना धन की प्राप्ति नहीं होती। वैसे ही प्राणी की इच्छा होने पर भी अन्तराय कर्म दान, लाभ आदि में रुकावट पैदा करता है।

घातिकर्म-अघातिकर्म

आठ कर्मों को दो भागों में विभक्त किया गया है—घातिकर्म, अघातिकर्म।

घातिकर्म—जो कर्म आत्मा के साथ घुलमिलकर आत्मा के ज्ञान, दर्शन आदि मौलिक गुणों की या स्वाभाविक गुणों की घात करते हैं, नष्ट करते हैं वे घातिकर्म कहलाते हैं। घातिकर्म नष्ट होने पर ही आत्मा सर्वज्ञ, सर्वदर्शी बनती है। ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, मोहनीय, अंतरायये चार घातिकर्म हैं। अघातिकर्म—जो कर्म आत्मा के मुख्य गुणों की घात नहीं करते अर्थात् उन्हें कोई हानि नहीं पहुंचाते वे अघातिकर्म कहलाते हैं। वेदनीय, नाम, गोत्र और आयुष्यये चार अघाति कर्म हैं। घातिकर्म नष्ट होने के बाद अघातिकर्म उसी जन्म में नष्ट हो जाते हैं।

सर्वाधिक शक्तिशाली मोहकर्म

मोहनीय कर्म को सेनापति के उदाहरण से समझा जा सकता है। सेनापति परास्त हो जाता है तो सेना को परास्त होते देर नहीं लगती। ठीक इसी तरह मोहनीय कर्म की उपस्थिति में सभी कर्म सक्रिय रहते हैं। ज्योंही मोहनीय कर्म क्षीण होता है त्योंही सभी कर्म बहुत कम समय में अस्तित्वहीन हो जाते हैं और प्राणी उसी जन्म में मुक्त हो जाता है।

आत्मा पर कर्मों का प्रभाव

आत्मा चेतन है, कर्म जड़ है फिर भी आत्मा कर्मों के अधीन बन जाती है। न चाहते हुए भी प्राणी को दु:ख का अनुभव करना पड़ता है। संसार में प्राणी को भ्रमण कराने वाले कर्म ही हैं, ऐसा क्यों? इस बात को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। जैसेशराब जड़ है। उसे नशे की शक्ति का ज्ञान नहीं है, पर शराब पीने वाला नशे में धुत हो जाता है। जहर को मार देने की शक्ति का ज्ञान नहीं है पर जहर खानेवाला व्यक्ति मर जाता है। उसी प्रकार कर्म जड़ हैं, पर जब वे आत्मा से आकर्षित किए जाते हैं तब वे शुभ-अशुभ फल देने के निमित्त बनते हैं।

कर्म बन्धन के कारण

कोई भी प्राणी कर्मों से बंधना नहीं चाहता पर जब तक कर्म बंधन के कारणों का ज्ञान नहीं होता तब तक उनसे छुटकारा भी नहीं पा सकता। अत: उन्हें जानना भी जरूरी है।

कर्म बन्धन के कारण मिथ्यात्व, अव्रत, प्रमाद, कषाय और योगये पांच आश्रव हैं। इन पांच आश्रवों में प्राणी की समस्त क्रियाओं का समावेश हो जाता है। फिर भी स्पष्ट रूप से कर्म बन्धन के हेतुओं को जानने के लिए उनका विस्तृत वर्णन किया गया है।

ज्ञानावरणीय कर्म बन्ध के कारण

1. ज्ञान प्रत्यनीकताज्ञान तथा ज्ञानी से प्रतिकूलता रखना।

2. ज्ञान-निह्नवज्ञान तथा ज्ञानदाता का अपलपन करना अर्थात् ज्ञानी को कहना कि वह ज्ञानी नहीं है।

3. ज्ञानान्तरायज्ञान को प्राप्त करने में अन्तराय (बाधा) डालना।

4. ज्ञान प्रद्वेषज्ञान तथा ज्ञानी से द्वेष रखना।

5. ज्ञान आशातनाज्ञान तथा ज्ञानी की अवहेलना करना।

6. ज्ञान विसंवादनज्ञान या ज्ञानी के वचनों में विसंवाद यानी विरोध दिखाना।

दर्शनावरणीय कर्म बंध के कारण

ज्ञानावरणीय कर्मबंध के कारणों की तरह ही दर्शनावरणीय कर्म बंधने के कारण हैं। मात्र ज्ञान के स्थान पर दर्शन शब्द लगाकर समझना चाहिए।

वेदनीय कर्मबंध के कारण

वेदनीय कर्म के दो प्रकार हैं—सातावेदनीय, असातावेदनीय।

सातावेदनीय कर्मबंध के कारण

1. प्राणियों को अपनी असत् प्रवृत्ति से दु:ख न देना।

2. प्राणियों को अपनी असत् प्रवृत्ति से दीन न बनाना।

3. प्राणियों को अपनी असत् प्रवृत्ति से शरीर को हानि पहुंचाने वाला शोक पैदा न करना।

4. प्राणियों को अपनी असत् प्रवृत्ति से न रुलाना।

5. प्राणियों पर अपनी असत् प्रवृत्ति से लाठी आदि का प्रहार न करना।

6. प्राणियों को अपनी असत् प्रवृत्ति से परिताप न देना।

उक्त कार्यों के विपरीत करने से असातावेदनीय कर्म का बंधन होता है।

मोहनीय कर्म बंध के कारण

तीव्र क्रोध, तीव मान, तीव्र माया, तीव्र लोभ, तीव्र दर्शनमोह, तीव्र चारित्रमोह, हास्य, रति आदि तीव्र नो कषाय।

आयुष्य कर्म बंध के कारण पहले बोल में दिये जा चुके हैं।

नाम कर्म बन्ध के कारण

नाम कर्म के दो प्रकार हैं—शुभ नाम कर्म, अशुभ नाम कर्म।

शुभ नाम कर्म बन्ध के चार कारण हैं

1. काय ऋजुता—दूसरों को ठगनेवाली शारीरिक चेष्टा न करना।

2. भाव ऋजुता—दूसरों को ठगनेवाली मानसिक चेष्टा न करना।

3. भाषा ऋजुता—दूसरों को ठगनेवाली वचन की चेष्टा न करना।

4. अविसंवादन योगकथनी और करनी में विसंवाद (विरोध) न करना।

उक्त कार्यों के विपरीत करना अशुभ नाम कर्म बंध के कारण हैं।

गोत्र कर्म बन्ध के कारण

गोत्र कर्म के दो प्रकार हैं—उच्च गोत्र, नीच गोत्र।

1. जाति 2. कुल 3. बल 4. रूप 5. तपस्या 6. श्रुत (ज्ञान) 7. लाभ 8. ऐश्‍वर्य। इनका मदअहंकार न करना उच्च गोत्र बंध के कारण हैं और इनका मद—अहंकार करना नीच गोत्र बन्ध के कारण हैं।

अन्तराय कर्म बन्ध के कारण

1. दान 2. लाभ 3. भोग 4. उपभोग 5. वीर्य (उत्साह या सामर्थ्य) में बाधा डालना।

आत्मा और कर्म अलग कैसे?

प्रश्‍न होता है—आत्म और कर्म अनादि काल से एकमेक हैं, फिर वे अलग कैसे हो सकते हैं? क्योंकि जिसकी आदि नहीं तो फिर अन्त कैसे होगा? इस प्रश्‍न के उत्तर में तीन उदाहरण प्राप्त होते हैं

1. तिल और तैल परस्पर मिले हुए हैं पर कोल्हू आदि के द्वारा उन्हें अलग किया जा सकता है।

2. घी और दूध मिले हुए हैं पर मंथनी के द्वारा घी और छाछ अलग किये जा सकते हैं।

3. धातु और मिट्टी परस्पर मिले हुए हैं पर अग्‍नि के द्वारा उन्हें अलग किया जा सकता है।

इसी प्रकार अनादि काल से परस्पर संबद्ध आत्मा और कर्म को तप-संयम आदि के द्वारा अलग किया जा सकता है।

♦

ग्यारहवां बोल : गुणस्थान चौदह

11

ग्यारहवां बोल : गुणस्थान चौदह

मिथ्यादृष्टि, सास्वादनसम्यग्दृष्टि, मिश्रदृष्टि, अविरति-सम्यग्दृष्टि, देशविरति, प्रमत्तसंयत, अप्रमत्तसंयत, निवृत्तिबादर, अनिवृत्तिबादर, सूक्ष्मसंपराय, उपशांतमोह, क्षीणमोह, सयोगीकेवली, अयोगीकेवली।

गुणस्थान— गुणस्थान का शाब्दिक अर्थ है गुणों का स्थान।

आत्मिक गुणों के क्रमिक विकास के चौदह सोपान हैं। उन्हें ही चौदह गुणस्थान कहा है।

1. मिथ्यादृष्टि गुणस्थान— जीव आदि तत्त्वों के प्रति विपरीत श्रद्धा रखनेवाला प्राणी मिथ्यादृष्टि है। मिथ्यादृष्टि के दर्शन मोहकर्म के क्षयोपशम से होनेवाली विशुद्धि मिथ्यादृष्टि गुणस्थान है। एकेन्द्रिय जीव के भी यत्किञ्चित क्षयोपशम होता है। यह क्षयोपशम ही जीव और अजीव में भेदरेखा करनेवाला है।

2. सास्वादनसम्यक्दृष्टि गुणस्थान— सास्वादन शब्द 'स'और 'आस्वादन' दो शब्दों से बना है। स का अर्थ है सहित और आस्वादन का अर्थ है थोड़ा स्वाद आना। यह गुणस्थान उपशम सम्यक्त्व से गिरते हुए जीव की अवस्था है। उपशम सम्यक्त्व से गिरते हुए प्राणी में कुछ समय तक सम्यक्त्व का थोड़ा स्वाद रहने के कारण इस गुणस्थान का नाम सास्वादन-सम्यक्दृष्टि गुणस्थान है। सास्वादनसम्यग्दृष्टि गुणस्थान को खीर के उदाहरण से समझा जा सकता है। किसी व्यक्ति ने खीर खायी। खाते ही उसको वमन होने लगा। वमन करते समय कुछ क्षणों तक गले में खीर का स्वाद आ जाता है। वैसे ही इस गुणस्थान की स्थिति है। यह स्थिति बहुत कम समय तक रहती है। व्यक्ति इस गुणस्थान से सीधा पहले गुणस्थान में चला जाता है। दूसरा उदाहरण वृक्ष से गिरते हुए फल का है। वृक्ष से फल गिरने लगा, नीचे अभी तक गिरा नहीं। उस मध्य की अवस्था की तरह सास्वादनसम्यक्दृष्टि गुणस्थान है।

3. मिश्रदृष्टि गुणस्थान— इस गुणस्थान में तत्त्वों के प्रति संदेह की अवस्था रहती है। नौ तत्त्वों में यदि एक भी तत्त्व में सन्देह है तो वह मिश्रदृष्टि गुणस्थान है। यह गुणस्थान मात्र संज्ञी पंचेन्द्रिय जीवों के ही हो सकता है। क्योंकि संदेह वे ही कर सकते हैं जिनके मन होता है। इस गुणस्थान की स्थिति अन्तर्मुहूर्त की होती है। इस स्थिति में चेतना की दृष्टि यदि मिथ्यात्व की ओर झुकती है तो पहला गुणस्थान आ जाता है। सम्यक्त्व के उन्मुख होती है तो चौथा गुणस्थान आ जाता है।

4. अविरति-सम्यक्दृष्टि गुणस्थान— इस गुणस्थान में सम्यक्त्व होती है। देव, गुरु, धर्म के प्रति श्रद्धा भी होती है। धर्मश्रवण अच्छा लगता है पर व्रत ग्रहण करने की चेतना नहीं जागती। इसलिए इस गुणस्थान का नाम अविरति सम्यक्दृष्टि है। यह गुणस्थान चारों गतियों में हो सकता है। सम्यक्दर्शन प्राप्त होने की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस गुणस्थान का धारक प्राणी नरक व तिर्यंच का आयुष्य नहीं बांधता। यदि मनुष्य और तिर्यंच पंचेन्द्रिय इस गुणस्थान के धारक हैं तो वे देवगति के आयुष्य का ही बंधन करेंगे और यदि नरक व देव हैं तो मनुष्य गति का ही बंधन करेंगे। इन चारों गुणस्थानों को निम्‍नोक्त रूपक से समझा जा सकता है

बेहोशी की अवस्था—पहला गुणस्थान।

होश में आकर पुन: बेहोश हो जाना—दूसरा गुणस्थान।

अर्धमूर्च्छा की अवस्था—तीसरा गुणस्थान।

पूर्ण होश की अवस्था—चौथा गुणस्थान।

5. देशविरति गुणस्थान— इस गुणस्थानवर्ती प्राणी में सम्यक्त्व के साथ व्रत ग्रहण की चेतना जाग जाती है। वह यथाशक्ति व्रत को ग्रहण करता है। यह गुणस्थान श्रावक में होता है। श्रावक संज्ञी मनुष्य और संज्ञी तिर्यंच बन सकते हैं। कुछ ऐसे तिर्यंच होते हैं जिनको जातिस्मृति ज्ञान हो जाता है और उसके आधार पर वे व्रत स्वीकार कर लेते हैं। उदाहरण के रूप में चंडकौशिक सर्प, मेंढ़क (पूर्वभव का नन्दनमणिहार)।

नारक और देवों में व्रत स्वीकार करने की चेतना नहीं जागती इसलिए वे पांचवें गुणस्थान को प्राप्त नहीं हो सकते।

6. प्रमत्तसंयत गुणस्थान— यह गुणस्थान पूर्णव्रती साधु का है। इस गुणस्थान में रहनेवाला साधु महाव्रत, समिति, गुप्ति की आराधना करने का पूर्ण संकल्प स्वीकार करता है। संकल्प होने पर भी कभी-कभी प्रमाद में जा सकता है। अशुभयोग में जा सकता है। इसलिए इस गुणस्थान का नाम प्रमत्तसंयत गुणस्थान है। साधु प्रमाद हो जाने पर प्रायश्‍चित्त के द्वारा शुद्धि की भावना रखता है।

7. अप्रमत्तसंयत गुणस्थान— यह गुणस्थान अप्रमत्त साधु का है। जब छठे गुणस्थान वाला साधु स्वाध्याय, ध्यान आदि में पूर्ण तल्लीन रहता है, लक्ष्य के प्रति सतत जागरूक रहता है, किंचित भी प्रमाद की स्थिति नहीं बनती, तब उसे सातवां गुणस्थान प्राप्त होता है। इस स्थिति को अप्रमत्तसंयत गुणस्थान कहते हैं। यह स्थिति अन्तर्मुहूर्त से अधिक नहीं रह सकती। छट्ठे से सातवां गुणस्थान अनेक बार आ सकता है। जो साधु जितना अधिक साधना में जागरूक रहता है, वह उतना ही अधिक सातवें गुणस्थान का बार-बार स्पर्श करता रहता है।

8. निवृत्तिबादर गुणस्थान— निवृत्ति का अर्थ है मुक्त होना और बादर का अर्थ है स्थूल कषाय। जो साधु स्थूल कषायअनन्तानुबंधी-अप्रत्याख्यानी-प्रत्याख्यानीक्रोध, मान, माया, लोभ का कुछ अंशों में उपशम या क्षय करके उनसे निवृत्त अर्थात् मुक्त होता है वह इस गुणस्थान को प्राप्त करता है।

इस गुणस्थान से आत्मविकास की दो श्रेणियों की पृष्ठभूमि बनती है—उपशमश्रेणी व क्षपकश्रेणी। कुछ साधक मोहकर्म की प्रकृतियों का उपशम करते हुए अर्थात् दबाते हुए आगे बढ़ते हैं। कुछ साधक उनका क्षय करते हुए आगे बढ़ते हैं। जो उपशम करते हुए आगे बढ़ते हैं वे ग्यारहवें गुणस्थान तक जाकर वापस गिर जाते हैं। यह उपशम श्रेणी है। जो क्षय करते हुए आगे बढ़ते हैं वे ग्यारहवें गुणस्थान का स्पर्श नहीं करते। दसवें से सीधे बारहवें गुणस्थान में जाकर केवलज्ञान की भूमिका में पहुंच जाते हैं। यह क्षपक श्रेणी है।

9. अनिवृत्तिबादर गुणस्थान—यह गुणस्थान कषाय की अनिवृत्ति की अपेक्षा से है। इस गुणस्थान में क्रोध, मान, मायाये तीन कषाय सर्वथा उपशान्त या क्षीण हो जाते हैं। केवल लोभ कषाय थोड़ी मात्रा में शेष रहता है। आठवें गुणस्थान में कषाय की निवृत्ति थोड़ी मात्रा में होती है इसलिए उसे निवृत्ति बादर कहा गया है। नौवें गुणस्थान में कषाय थोड़ी मात्रा में शेष रहता है इसलिए इस गुणस्थान को अनिवृत्ति बादर गुणस्थान कहा गया है। इस गुणस्थान के अन्त में स्त्री, पुरुष, नपुंसक जनित काम विकार या तो उपशान्त हो जाता है या सर्वथा क्षीण हो जाता है। प्राणी अवेदी बन जाता है।

10. सूक्ष्मसंपराय गुणस्थान— सूक्ष्म का अर्थ है अल्प और संपराय का अर्थ है—कषाय। इस गुणस्थान में केवल लोभ कषाय का सूक्ष्म अंश बाकी रहता है। इसलिए इस गुणस्थान को सूक्ष्मसंपराय गुणस्थान कहा जाता है।

11. उपशांतमोह गुणस्थान— इस गुणस्थान में मोहनीय कर्म का अन्तर्मुहूर्त्त के लिए सर्वथा उपशम हो जाता है। इसलिए इस गुणस्थान का नाम उपशान्तमोह गुणस्थान है। इस गुणस्थान को प्राप्त करनेवाले का अवश्य ही पतन होता है। क्योंकि इस गुणस्थान में मोहकर्म का उपशम होता है, समूल विच्छेद नहीं। वह राख से ढकी हुई आग की तरह है। इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता हैएक बर्तन में गन्दा पानी है। उसको साफ करने के लिए फिटकरी डाली जाती है। फिटकरी से पानी का कचरा नीचे तल में बैठ जाता है। ऊपर का पानी स्वच्छ हो जाता है पर वह स्वच्छ पानी बहुत समय तक नहीं टिकता। उसमें एक छोटा सा कंकर गिर जाता है या तेज हवा का झोंका आ जाता है तो वह पानी पुन: गंदा हो जाता है। इसी तरह ग्यारहवां गुणस्थान है। उपशान्त मोह की स्थिति बहुत समय तक नहीं टिकती। कलुष विचार का एक झोंका आते ही प्राणी का उस गुणस्थान से पतन हो जाता है।

12. क्षीणमोह गुणस्थान— इस गुणस्थान के पहले समय में ही मोहकर्म सर्वथा क्षीण हो जाता है। आत्मा पूर्ण वीतराग बन जाती है। पर ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, अन्तरायये तीन घाति कर्म शेष रहते हैं। जब तक ये कर्म विद्यमान रहते हैं तब तक जीव छद्मस्थ कहलाता है। इस गुणस्थान की स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त है।

13. सयोगीकेवली गुणस्थान— इस गुणस्थान के पहले समय में ही ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय और अंतरायये तीनों कर्म क्षीण हो जाते हैं और प्राणी सर्वज्ञ बन जाता है। केवलज्ञान, केवलदर्शन और निरन्तराय से सम्पन्न हो जाता है। इस गुणस्थान में केवली मन, वचन, काया की प्रवृत्ति वाला होता है। इसलिए इस गुणस्थान का नाम सयोगी-केवली गुणस्थान है।

14. अयोगीकेवली गुणस्थान— जो केवलज्ञानी योग रहित हो जाते हैं वे अयोगीकेवली कहलाते हैं। अयोगी केवली की स्थिति मेरु की तरह अडोल हो जाती है। श्‍वासोच्छ्वास की क्रिया भी रुक जाती है। इस गुणस्थान की स्थिति 'अ इ उ ॠ लृ' इन पांच ह्रस्व अक्षरों के उच्चारण जितनी है। इस गुणस्थान के छूटने के साथ ही चार अघाति कर्म एक साथ टूट जाते हैं और जीव सिद्धगति को प्राप्त करता है। चार अघाति कर्मों का टूटना, चौदहवें गुणस्थान का छूटना और सिद्ध होना तीनों का एक ही समय है।

गुणस्थानों का कालमान

प्रथम गुणस्थान की स्थिति तीन प्रकार की हैअनादि अनन्त, अनादि सान्त, सादि सान्त।

अनादि अनन्तअनादि अनन्त अर्थात् जिसकी न आदि है न अन्त है। यह गुणस्थान मोक्ष नहीं जानेवाले जीवों का अक्षय भंडार है। अनन्त काल तक जीव निगोद की स्थिति में रह सकते हैं। उनमें प्रथम गुणस्थान ही होता है। अभव्य जीव कभी भी मिथ्यात्व से रहित नहीं हो सकते। इसलिए भी उनकी स्थिति अनादि अनन्त है। प्रथम गुणस्थान के सिवाय किसी भी गुणस्थान में जीव अनन्त काल तक नहीं रह सकता।

अनादि सान्तअर्थात् आदि तो नहीं पर अंत है। यह स्थिति भव्य जीवों की अपेक्षा से है।

सादि सान्तआदि सहित और अन्तसहित स्थिति। जो जीव मिथ्यात्व को त्यागकर सम्यक्त्व प्राप्त कर लेते हैं और फिर मिथ्यात्वी बन जाते हैं। उनकी अपेक्षा से पहला गुणस्थान सादि सान्त है। यहां यह ज्ञातव्य है कि एक बार सम्यक्त्व प्राप्त होनेवाले प्राणी का मोक्ष निश्‍चित है।

दूसरे गुणस्थान का कालमान—छह आवलिका है।

चौथे गुणस्थान का कालमान—तैंतीस सागर से कुछ अधिक है। यह स्थिति अनुत्तर विमान के देवों की अपेक्षा से है। उनकी स्थिति तैतीस सागर है और वे चौथे गुणस्थान के धारक होते हैं।

पांचवें, छट्ठे और तेरहवें गुणस्थान का कालमान—कुछ कम करोड़ पूर्व है।

चौदहवें गुणस्थान का कालमान—'अ इ उ ॠ लृ' इन पांच ह्रस्व अक्षरों के उच्चारण जितना है।

शेष गुणस्थानों का कालमान अन्तर्मुहूर्त का है।

♦

बारहवां बोल : पांच इन्द्रियों के तेईस विषय

12

बारहवां बोल : पांच इन्द्रियों के तेईस विषय

1. श्रोत्रेन्द्रिय के तीन विषय हैं—जीव शब्द, अजीव शब्द, मिश्र शब्द।

2. चक्षुरिन्द्रिय के पांच विषय हैंकृष्ण वर्ण, नील वर्ण, रक्त वर्ण, पीत वर्ण, श्‍वेत वर्ण।

3. घ्राणेन्द्रिय के दो विषय हैं—सुगन्ध, दुर्गन्ध।

4. रसनेन्द्रिय के पांच विषय हैं—तिक्त रस, कटु रस, कषाय रस, आम्ल रस, मधुर रस।

5. स्पर्शनेन्द्रिय के आठ विषय हैं—शीत स्पर्श, उष्ण स्पर्श, स्‍निग्ध स्पर्श, रूक्ष स्पर्श, कर्कश स्पर्श, मृदु स्पर्श, गुरु स्पर्श, लघु स्पर्श।

इन्द्रियां हमारी चेतना का अंग है। वे हमारे ज्ञान में सहायक हैं। प्रत्येक इन्द्रिय अलग-अलग विषय को ग्रहण करती है। श्रोत्रेन्द्रिय शब्द को, चक्षुरिन्द्रिय रूप को, घ्राणेन्द्रिय गंध को, रसनेन्द्रिय रस को, स्पर्शनेन्द्रिय स्पर्श को ग्रहण करती है। इन्द्रियों का विषय मूर्त द्रव्य ही है, अमूर्त नहीं।

कोई भी इन्द्रिय चाहे कितनी ही पटु हो वह अपने विषय को ही ग्रहण कर सकती है, दूसरी इन्द्रिय के विषय को नहीं। जैसे एक लड्डू है। उसको पांचों ही इन्द्रियां भिन्न-भिन्न प्रकार से ग्रहण करती हैं। अंगुली उसे छूकर जानती है कि यह लड्डू ठंडा है या गर्म है। जीभ चखकर उसके खट्टे-मीठे आदि रस को जानती है। नाक सूंघकर उसकी अच्छी या बुरी गंध का ज्ञान करता है। आंख देखकर उसके लाल, पीले, सफेद आदि रूप का ज्ञान करती है। कान खाते समय उत्पन्न होने वाले शब्द को सुन कर जानता है कि वह कठोर है या मृदु है।

इन्द्रिय एवं उसके विषय की संक्षिप्त चर्चा चौथे बोल में कर दी गयी है। इस बोल में विस्तार से उसके तेईस भेदों की चर्चा है।

1. श्रोत्रेन्द्रिय का विषय है शब्द। वह तीन प्रकार का है—जीव शब्द, अजीव शब्द, मिश्र शब्द। जीव शब्दजीव की आवाज। मनुष्य, पशु, पक्षी आदि किसी का भी शब्द जीव शब्द है।

अजीव शब्द—जड़ पदार्थों का शब्द। जैसे, कपाट के टूटने से होनेवाला शब्द।

मिश्र शब्द—जीव-अजीव दोनों के योग से होने वाला शब्द। जैसे, बांसुरी का शब्द। मनुष्य बांसुरी बजाता है उस समय मनुष्य और बांसुरी दोनों के संयोग से होनेवाला शब्द।

2. चक्षुरिन्द्रिय का विषय है—रूप। वह पांच प्रकार का है

कृष्ण—काजल आदि।

नील—नील आदि।

रक्त—कुंकुम आदि।

पीत—हल्दी आदि।

श्‍वेत—दूध आदि।

3. घ्राणेन्द्रिय का विषय है—गंध। वह दो प्रकार का है

सुगन्ध—कस्तूरी आदि।

दुर्गन्ध—मृत कलेवर आदि।

4. रसनेन्द्रिय का विषय है—रस। वह पांच प्रकार का है

तिक्त—सौंठ आदि।

कटु—नीम आदि।

कषाय—हरड़ आदि।

आम्ल (खट्टा)—नींबू, इमली आदि।

मधुरचीनी आदि।

5. स्पर्शनेन्द्रिय का विषय है स्पर्श। उसके आठ प्रकार हैं

1. शीत (ठण्डा)—बर्फ आदि।

2. उष्ण (गर्म)—अग्‍नि आदि।

3. स्‍निग्ध (चिकना)—घी-तेल आदि।

4. रूक्ष (रूखा)—राख आदि।

5. कर्कश (खुरदरा)—गाय की जीभ आदि।

6. मृदु (कोमल)—रेशम आदि।

7. गुरु (भारी)—पत्थर आदि।

8. लघु (हल्का)— रुई आदि।

विषय जड़ होते हैं। वे अपने आपमें बंधन के हेतु नहीं बनते। आंख खुली है तो सामने पदार्थ दिखाई देगा। पदार्थ गंधयुक्त है तो उसकी गन्ध नाक का विषय बनेगी। इसी तरह सभी विषय इन्द्रियों के सम्पर्क में आते हैं। वे बंधन के हेतु तब बनते हैं जब उनके साथ राग-द्वेष जुड़ता है, प्रियता-अप्रियता जुड़ती है। इसलिए व्यक्ति को चाहिए कि वह पदार्थों में राग-द्वेष न करे।

आठ स्पर्शों में शीत, उष्ण, स्‍निग्ध, रूक्ष—ये चार स्पर्श मूल हैं। शेष चार स्पर्श—कर्कश, मृदु, गुरु, लघुउपरोक्त चारों के संयोग से बनते हैं। रुक्ष स्पर्श की बहुलता से लघु स्पर्श बनता है। स्‍निग्ध स्पर्श की बहुलता से गुरु स्पर्श बनता है। शीत और स्‍निग्ध स्पर्श की बहुलता से मृदु स्पर्श बनता है। उष्ण और रूक्ष स्पर्श की बहुलता से कर्कश स्पर्श बनता है।

जितने भी विषय हैं वे सब पौद्गलिक और मूर्त हैं। मूर्त होने के कारण इन्द्रियों के विषय बनते हैं, किन्तु सब मूर्त्त पदार्थ इन्द्रियों के विषय बनें, यह जरूरी नहीं है। परमाणु कभी इन्द्रिय का विषय नहीं बनता। हमारी इन्द्रियों का विषय अनन्तप्रदेशी स्कन्ध ही बनता है।

♦

तेरहवां बोल : मिथ्यात्व के दस प्रकार

13

तेरहवां बोल : मिथ्यात्व के दस प्रकार

1. धर्म को अधर्म समझना। 2. अधर्म को धर्म समझना। 3. मार्ग को कुमार्ग समझना। 4. कुमार्ग को मार्ग समझना। 5. जीव को अजीव समझना। 6. अजीव को जीव समझना। 7. साधु को असाधु समझना। असाधु को साधु समझना। 9. मुक्त को अमुक्त समझना। 10. अमुक्त को मुक्त समझना।

सम्यक्त्व और मिथ्यात्व जैन दर्शन के महत्त्वपूर्ण शब्द हैं। सम्यक्त्व सही ज्ञान और सही दृष्टि का बोध करानेवाला है। मिथ्यात्व विपरीत ज्ञान व विपरीत दृष्टि का बोध करानेवाला है। मिथ्यात्व का सीधा अर्थ है सही को गलत समझना और गलत को सही समझना। सही जानकारी के अभाव में व्यक्ति सही मार्ग को चुन नहीं सकता। एक बच्चा जिसे सर्प के बारे में जानकारी नहीं है कि यह काटने वाला प्राणी है, तब तक वह उसे खिलौना समझकर पकड़ने की कोशिश कर सकता है। पर जानकारी होने के बाद उससे दूर रहना चाहेगा। ठीक इसी तरह मिथ्यात्व के जो दस प्रकार बताए हैं उनके स्वरूप का बोध होना जरूरी है। स्वरूप का बोध होने के बाद ही सही और गलत में विवेक किया जा सकता है और गलत से बचा जा सकता है। प्रस्तुत बोल में मिथ्यात्व के प्रकारों की चर्चा की गई है।

1,2. धर्म- अधर्म—जो आत्मशुद्धि का साधन है वह धर्म है। उसके दो प्रकार हैं—संवर और निर्जरा। संवर नये कर्मों के प्रवेश को रोकने वाला है और निर्जरा जो कर्म पहले से आत्मा के साथ लगे हुए हैं उनका नाश करनेवाला है। इन दोनों से आत्मा की उज्ज्वलता होती है।

मिथ्यात्व का अर्थ है—धर्म के आचरण को अधर्म समझना और पशुबलि, नरबलि आदि अधर्म के आचरण को धर्म समझना।

3,4. मार्ग-कुमार्ग— मार्ग अर्थात् रास्ता। जिस रास्ते से मोक्ष में पहुंचा जा सकता है वह मार्ग है। मोक्ष के चार मार्ग हैं—ज्ञान, दर्शन, चारित्र, तप की समन्विति मोक्ष मार्ग है। ज्ञान के द्वारा पदार्थों के सही स्वरूप की जानकारी होती है। दर्शन के द्वारा उन पर श्रद्धा होती है। चारित्र के द्वारा नये कर्मों के प्रवेश को रोका जाता है और तप के द्वारा पुराने कर्मों का नाश कर आत्मा शुद्ध बनती है।

मिथ्यात्व का अर्थ है—यज्ञ आदि हिंसा के कार्यों को मोक्ष का मार्ग समझना और शुद्ध अहिंसा के कार्य को मार्ग न समझना।

5,6. जीव-अजीव— जिसमें चेतना है वह जीव है। जिसमें चेतना न हो वह अजीव है। पृथ्वी, पानी, अग्‍नि, वायु, वनस्पतिइन एकेन्द्रिय जीवों की चेतना हमें स्पष्ट दिखाई नहीं देती। पर दिखाई न देने से उन्हें अजीव नहीं कहा जा सकता। भगवान् महावीर ने अपने ज्ञान से इनमें चेतना के दर्शन किये हैं।

मिथ्यात्व का अर्थ है—मुर्गी आदि के अण्डों में जीवत्व स्वीकार न करना और जीवात्मा के चित्र आदि को जीव मानना।

7,8. साधु-असाधु— अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह—इन पांच महाव्रतों का जो पालन करता है वह साधु है। जो इनका पालन नहीं करता वह असाधु है।

मिथ्यात्व का अर्थ है-साधु को असाधु समझना। असाधु को साधु समझना।

9,10. मुक्त-अमुक्त— जो आठों कर्मों से रहित होकर मुक्त हो गये हैं, जिनके जन्म-मरण की परम्परा समाप्त हो गई है, वे मुक्त हैं। जिनके जन्म-मरण की परम्परा समाप्त नहीं हुई है वे अमुक्त हैं।

मिथ्यात्व का अर्थ है—मुक्त को अमुक्त समझना। अमुक्त को मुक्त समझना।

यह दस प्रकार का मिथ्यात्व है। मिथ्यात्व का त्याग होने के बाद ही साधना का सही पथ मिल सकता है।

♦

चौदहवां बोल : नौ तत्त्वों के 115 भेद

14

चौदहवां बोल : नौ तत्त्वों के 115 भेद

संसार में मूल तत्त्व दो हैं—जीव और अजीव। इन दो तत्त्वों का विस्तार करने पर तत्त्व नौ हो जाते हैं। वे नौ तत्त्व हैं

जीव, अजीव, पुण्य, पाप, आश्रव, संवर, निर्जरा, बंध, मोक्ष।

जीव—चेतनामय पदार्थ।

अजीव—अचेतनामय पदार्थ।

पुण्य—सुख देनेवाले उदीयमान शुभकर्म पुद्गल।

पाप—दु:ख देनेवाले उदीयमान अशुभ कर्म पुद्गल।

आश्रव—कर्म ग्रहण करनेवाला आत्म परिणाम।

संवर—कर्म निरोध करनेवाला आत्म परिणाम।

निर्जरा—कर्म तोड़नेवाला आत्म परिणाम।

बंध—आत्मा के साथ बंधे हुए कर्म पुद्गल।

मोक्ष—समस्त कर्मों से मुक्त अवस्था।

नौ तत्त्वों में जीव, आश्रव, संवर, निर्जरा और मोक्ष—ये पांच तत्त्व जीव हैं। अजीव, पुण्य, पाप और बंध—ये चार तत्त्व अजीव हैं। पुण्य, पाप और बंध के संबंध में यह जान लेना चाहिए कि जब तक कर्म पुद्गल आत्मा के साथ बंधे रहते हैं तब तक बंध कहलाते हैं। जब वे उदय में आकर शुभ-अशुभ फल देते हैं तब पुण्य-पाप कहलाते हैं।

प्रस्तुत बोल में उपरोक्त नौ तत्त्वों के 115 भेद किये गए हैं।

जीव तत्त्व के चौदह भेद

सूक्ष्म एकेन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

बादर एकेन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

द्वीन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

त्रीन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

चतुरिन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

असंज्ञी पंचेन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

संज्ञी पंचेन्द्रिय के दो भेद—अपर्याप्त, पर्याप्त।

पांच इन्द्रियों के आधार पर जीव के चौदह भेद किए गए हैं। एकेन्द्रिय जीव सूक्ष्म और बादर दो प्रकार के होते हैं। पंचेन्द्रिय जीव संज्ञी और असंज्ञी दो प्रकार के होते हैं। यहां यह ज्ञातव्य है कि सूक्ष्म और बादर ये दो भेद एकेन्द्रिय जीवों के ही हो सकते हैं। शेष जीव तो बादर ही होते हैं। वैसे ही संज्ञी-असंज्ञी भेद पंचेन्द्रिय जीवों के ही हो सकते हैं। चतुरिन्द्रिय तक के जीव तो असंज्ञी (मन रहित) ही होते हैं। इस प्रकार जीवों के सात भेद हो जाते हैं। इन सातों भेदों के अपर्याप्त और पर्याप्त—ये दो-दो भेद करके जीव के चौदह भेद किये गए हैं।

जीव को जिस जन्म में जितनी पर्याप्तियां प्राप्त करनी होती हैं उन्हें प्राप्त करनेवाला जीव पर्याप्त कहलाता है। जब तक प्राप्त नहीं करता तब तक अपर्याप्त कहलाता है। किस जीव में कितनी पर्याप्तियां होती हैं इसकी चर्चा पांचवें बोल में की जा चुकी है।

जैन दर्शन में जैसे नौ तत्त्वों की चर्चा है, वैसे ही छह द्रव्यों की चर्चा है। छह द्रव्य हैं—धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय, काल, पुद्गलास्तिकाय, जीवास्तिकाय। जीवास्तिकाय को छोड़कर पांचों द्रव्य अजीव हैं।

अजीव तत्त्व के चौदह भेद—

धर्मास्तिकाय के तीन भेद—स्कन्ध, देश, प्रदेश।

अधर्मास्तिकाय के तीन भेद—स्कन्ध देश, प्रदेश।

आकाशास्तिकाय के तीन भेद—स्कन्ध, देश, प्रदेश।

काल का एक भेदकाल।

पुद्गलास्तिकाय के चार भेदस्कन्ध, देश, प्रदेश, परमाणु।

अस्तिकाय शब्द विशेष अर्थ का बोधक है—अस्ति का अर्थ है—प्रदेश। काय का अर्थ है—समूह। प्रदेश समूह को अस्तिकाय कहा गया है।

धर्मास्तिकाय—जीव और पुद्गल के चलने में उदासीन भाव से सहायता करनेवाला द्रव्य धर्मास्तिकाय है।

अधर्मास्तिकाय—जीव और पुद्गल के स्थिर होने में उदासीन भाव से सहायता करनेवाला द्रव्य अधर्मास्तिकाय है।

आकाशास्तिकाय—जीव और पुद्गल को आश्रय देनेवाला द्रव्य आकाशास्तिकाय है।

उदासीन भाव से सहायता करने का अर्थकिसी को चलाना, स्थिर करना या स्थान देना नहीं है। जो चले, स्थिर रहे, उसे सहयोग करना है। धर्मास्तिकाय को समझने के लिए पानी और मछली का उदाहरण दिया जाता है। पानी मछली को चलने के लिए प्रेरित नहीं करता, पर मछली चलती है तो पानी उसके चलने में सहयोगी है। इसी तरह अधर्मास्तिकाय को समझने के लिए पथिक और छाया का उदाहरण दिया जाता है। गर्मी में तपे हुए पथिक को ठहरने के लिए छाया प्रेरित नहीं करती, पर पथिक ठहरता है तो छाया सहयोगी बनती है।

धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय—इन तीनों के तीन-तीन भेद हैं—स्कन्ध, देश, प्रदेश।

स्कन्ध—स्कन्ध अर्थात् प्रदेश समूह। यह दो प्रकार का होता है—स्वाभाविक स्कन्ध और वैभाविक स्कन्ध। धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय—इन तीनों के स्कन्ध स्वाभाविक हैं। इनका विभाग नहीं हो सकता है। ये एक और अखण्ड द्रव्य हैं।

देश—स्कन्ध का बुद्धि कल्पित अंश देश कहलाता है। कल्पना से विभाग किया जा सकता है कि यह इस कमरे की धर्मास्तिकाय है।

प्रदेशस्कन्ध का सर्व सूक्ष्म अंतिम अंश प्रदेश है।

काल—यह एक काल्पनिक द्रव्य है। सूर्य, चन्द्रमा की गति के आधार पर इसकी कल्पना की गई है। काल का सबसे सूक्ष्म भाग समय है। जो समय उत्पन्न होता है वह बीत जाता है। जो उत्पन्न होनेवाला है वह अभी अनुत्पन्न है अर्थात् उत्पन्न नहीं हुआ है। जो वर्तमान है वह एक समय है।

स्कन्ध बनता है समुदाय से। काल का स्कन्ध नहीं बन सकता। बिना स्कन्ध के देश और प्रदेश की कल्पना भी नहीं हो सकती। इसलिए काल का भेद काल ही है। उसके आगे अस्तिकाय शब्द नहीं जुड़ता।

पुद्गलास्तिकाय—जिसमें वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श हो उसे पुद्गलास्तिकाय कहते हैं। इसके चार भेद हैंस्कन्ध, देश, प्रदेश, परमाणु।

स्कन्ध—पुद्गलास्तिकाय का स्कन्ध स्वाभाविक नहीं, वैभाविक है। इसके प्रदेशों का समूह हो सकता है और बिखर सकते हैं। दो प्रदेश मिलने पर द्विप्रदेशी स्कन्ध, तीन प्रदेश मिलने पर त्रिप्रदेशी स्कन्ध, इसी प्रकार संख्य, असंख्य, अनंत प्रदेश मिलते हैं तो संख्यात प्रदेशी, असंख्यात प्रदेशी, अनंत प्रदेशी स्कन्ध बन जाता है।

पुद्गलास्तिकाय के देश और प्रदेश पूर्ववत् समझने चाहिए।

परमाणु—जो स्कन्ध से अलग हो जाता है, उसे परमाणु कहते हैं। प्रदेश और परमाणु दोनों एक प्रदेशी होते हैं। दोनों में अन्तर इतना-सा है कि स्कंध के साथ रहता है, तब तक वह प्रदेश है। जब अलग हो जाता है तो वह परमाणु की संज्ञा प्राप्त करता है।

पुण्य तत्त्व के नौ भेद

अन्न पुण्य, पान पुण्य, लयन पुण्य, शयन पुण्य, वस्त्र पुण्य, मन पुण्य, वचन पुण्य, काय पुण्य, नमस्कार पुण्य।

पुण्यशुभ कर्म पुद्गल पुण्य हैं। जब पहले बंधे हुए शुभ कर्म उदय में आकर शुभ फल देते हैं तो वे पुण्य कहलाते हैं। पुण्य के नौ प्रकार वस्तुत: पुण्य नहीं हैं पर पुण्य बंधन के कारण हैं। कारण को कार्य मानकर उन्हें पुण्य कह दिया गया है।

अन्न पुण्यसंयमी आत्मा को संयम जीवन के निर्वाह हेतु शुद्ध अन्न का दान दिया जाता है। उससे पुण्य का बंधन होता है, इसलिए उसे अन्न पुण्य कहा है। इसी तरह पानी, स्थान, शय्या, वस्त्र का संयमी को दान दिया जाता है उसे पान पुण्य, लयन पुण्य, शयन पुण्य, वस्त्र पुण्य कहा जाता है। मन, वचन व काया की शुभ प्रवृत्ति को क्रमश: मन पुण्य, वचन पुण्य और काय पुण्य कहा जाता है। सम्यक् देव, सम्यक् गुरु और सम्यक् धर्म को नमस्कार करना, बहुमान देना नमस्कार पुण्य है।

ऐसी संभावना की जा सकती है कि पुण्य के ये नौ भेद मुनि को लक्ष्य करके किए गए हैं। मुनि को अन्न, पान आदि की ही अपेक्षा होती है, सोने-चांदी आदि की नहीं। मुनि को अन्न आदि का दान देने में मन, वचन, काया की प्रवृत्ति शुद्ध रखना, मुनि को नमस्कार करनाये सहज ही श्रावक के कर्त्तव्य से संबंध रखते हैं।

धर्म और पुण्य का संबंध

धर्म और पुण्य का गहरा संबंध है। धर्म के बिना पुण्य का बंधन नहीं होता, पर पुण्य के लिए धर्म नहीं करना चाहिए। जहां निर्जरा धर्म होता है वहां पुण्य अवश्यंभावी है। आचार्य भिक्षु ने इसे एक उदाहरण से समझाते हुए कहा है—जैसे कोई अनाज के लिए खेती करता है तो साथ में चारा भी होता है। पर चारे के लिए खेती नहीं की जाती है। इसी तरह धर्म के साथ पुण्य का बंधन होता है। पर पुण्य के लिए धर्म नहीं किया जाता। पुण्य शुभ बंधन है पर बन्धन आखिर बंधन ही है, भले वह शुभ हो। बंधन के छूटने पर ही मुक्ति होती है।

पाप तत्त्व के अठारह भेद

प्राणातिपात, मृषावाद, अदत्तादान, मैथुन, परिग्रह, क्रोध, मान, माया, लोभ, राग, द्वेष, कलह, अभ्याख्यान, पैशुन्य, परपरिवाद, रति-अरति, मायामृषा, मिथ्यादर्शनशल्य।

पाप—अशुभ कर्म पुद्गल पाप हैं। जब बंधे हुए अशुभ कर्म उदय में आकर अशुभ फल देते हैं तो वे पाप कहलाते हैं।

प्राणातिपात पाप—किसी प्राणी का प्राण वियोजन (हिंसा) करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

मृषावाद पाप—असत्य बोलने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

अदत्तादान—चोरी करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

मैथुन—अब्रह्मचर्य सेवन से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

परिग्रह—परिग्रह रखने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

क्रोध—गुस्सा करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

मान—अहंकार करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

माया—छल-कपट करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

लोभ—लोभ करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

राग—राग करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

द्वेष—द्वेष करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

कलह—लड़ाई-झगड़ा करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

अभ्याख्यान—मिथ्या दोषारोपण करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

पैशुन्य—चुगली करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

परपरिवाद—दूसरों की निन्दा करने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

रति-अरति—असंयम में रुचि और संयम में अरुचि होने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

माया-मृषाकपट सहित झूठ बोलने से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

मिथ्यादर्शन—शल्यविपरीत श्रद्धा रूपी शल्य से आत्मा के साथ चिपकने वाले अशुभ कर्म पुद्गल।

आश्रव तत्त्व के बीस भेद

मिथ्यात्व आश्रव, अव्रत आश्रव, प्रमाद आश्रव, कषाय आश्रव, योग आश्रव, प्राणातिपात आश्रव, मृषावाद आश्रव, अदत्तादान आश्र्रव, मैथुन आश्रव, परिग्रह आश्रव, श्रोत्रेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव, चक्षुरिन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव, घ्राणेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव, रसनेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव, स्पर्शनेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव, मनप्रवृत्ति आश्रव, वचन प्रवृत्ति आश्रव, काय प्रवृत्ति आश्रव, भण्डोपकरण रखने में अयतना करना आश्रव, सूचि कुशाग्रमात्र दोषसेवन आश्रव।

आश्रव—आश्रव अर्थात् कर्म आने का मार्ग। जिस परिणाम से कर्म आत्मा के भीतर प्रवेश करते हैं वे आत्म-परिणाम आश्रव कहलाते हैं।

मिथ्यात्व आश्रव—तत्त्व के प्रति विपरीत श्रद्धा रूप आत्म-परिणाम। कर्म आने का यह सबसे बड़ा मार्ग है। मिथ्यात्व के कारण कर्म निरन्तर आत्मा के चिपकते रहते हैं।

अव्रत आश्रव—अत्याग भाव। भौतिक पदार्थों के प्रति अव्यक्त लालसा रूप आत्म-परिणाम। प्राणी पदार्थों का भोग करे या न करे, पर जब तक अव्रत के दरवाजे को बन्द नहीं करता है तब तक निरन्तर अव्रत आश्रव का पाप लगता रहता है। जितना जितना त्याग किया जाता है उतना-उतना अव्रत का द्वार बन्द होता रहता है।

प्रमाद आश्रव—प्रमाद का दो अर्थों में प्रयोग होता है। प्रमाद का एक अर्थ है—आलस्य अथवा निंदा, विकथा आदि अनावश्यक बातों में समय बिताना। यह प्रमाद योग आश्रव के अन्तर्गत आता है। यह निरन्तर नहीं होता। इसका यहां ग्रहण नहीं है। प्रमाद का दूसरा अर्थ है—अध्यात्म के प्रति अनुत्साह रूप आत्म-परिणाम। इससे निरन्तर पाप कर्म का बन्ध होता रहता है। यहां दूसरा अर्थ ग्राह्य है।

कषाय आश्रव—आत्म प्रदेशों में स्थित क्रोध आदि कषाय। आन्तरिक कषाय रूप परिणाम से निरन्तर आत्मा के कर्म का बंध होता रहता है। क्रोध करते समय भृकुटि तन जाना, मुंह लाल हो जाना आदि दृश्यमान विकार योग आश्रव के अन्तर्गत आते हैं। उसका यहां ग्रहण नहीं है।

योग आश्रवमन, वचन और काय की प्रवृत्ति योगाश्रव है।

प्रथम चार आश्रव आत्मा के परिणाम रूप हैं। योग आश्रव प्रवृत्ति रूप है। योग आश्रव के दो प्रकार हैं—शुभ योग आश्रव, अशुभ योग आश्रव। अशुभ योग आश्रव पाप बंधन का हेतु है। शुभ योग से दो कार्य होते हैं—अशुभ कर्मों की निर्जरा और शुभ कर्म का बन्ध। निर्जरा की अपेक्षा शुभयोग आश्रव नहीं है। शुभ कर्म बन्ध के कारण उसे आश्रव कहा गया है।

प्राणातिपात आश्रव—जीव वध करना।

मृषावाद आश्रव—असत्य बोलना।

अदत्तादान आश्रव—चोरी करना।

मैथुन आश्रव—अब्रह्मचर्य सेवन करना।

परिग्रह आश्रव—धन-धान्य आदि पर ममत्व रखना।

श्रोत्रेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव—मनोज्ञ-अमनोज्ञ शब्दों पर राग-द्वेष करना।

चक्षुरिन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव—मनोज्ञ-अमनोज्ञ रूप को देखकर उस पर राग द्वेष करना।

घ्राणेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव—मनोज्ञ-अमनोज्ञ गन्ध पर राग-द्वेष करना।

रसनेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव—मनोज्ञ-अमनोज्ञ रसों पर राग द्वेष करना।

स्पर्शनेन्द्रिय प्रवृत्ति आश्रव—मनोज्ञ-अमनोज्ञ स्पर्श पर राग-द्वेष करना।

मन प्रवृत्ति आश्रव—मन को शुभ-अशुभ चिंतन में लगाना।

वचन प्रवृत्ति आश्रव—शुभ-अशुभ वचन बोलना।

काय प्रवृत्ति आश्रव—शरीर से शुभ अशुभ क्रिया करना।

भण्डोपकरण में अयतना करना आश्रवभण्ड (पात्र) उपकरण (वस्त्र) आदि को सावधानी से न रखना।

सूचि कुशाग्र मात्र दोष सेवन आश्रवसूचि (सुई) कुशाग्र (तृण का अग्रभाग)। ये दोनों प्रतीकात्मक शब्द हैं। इनसे तात्पर्य है कि सुई, कुशाग्र जितनी अर्थात् किंचित भी पापमय प्रवृत्ति करना।

आश्रव के प्रथम पांच भेद मूल हैं। शेष पन्द्रह भेद प्रवृत्ति रूप होने के कारण योग आश्रव के अन्तर्गत आते हैं।

संवर तत्त्व के बीस भेद

सम्यक्त्व संवर, व्रत संवर, अप्रमाद संवर, अकषाय संवर, अयोग संवर, प्राणातिपात विरमण संवर, मृषावाद विरमण संवर, अदत्तादान विरमण संवर, मैथुन विरमण संवर, परिग्रह विरमण संवर, श्रोत्रेन्द्रिय निग्रह संवर, चक्षुरिन्द्रिय निग्रह संवर, घ्राणेन्द्रिय निग्रह संवर, रसनेन्द्रिय निग्रह संवर, स्पर्शनेन्द्रिय निग्रह संवर, मन निग्रह संवर, वचन निग्रह संवर, काय निग्रह संवर, भण्डोपकरण रखने में अयतना न करना संवर, सूचि-कुशाग्रमात्र दोष सेवन न करना संवर।

संवर—कर्म निरोध करनेवाला आत्म परिणाम संवर है। संवर आश्रव का प्रतिपक्षी है। आश्रव कर्म आने का द्वार है। संवर कर्म आने के द्वार को बन्द करना है। आश्रव प्रवृत्ति है। संवर निवृत्ति है।

सम्यक्त्व संवर—विपरीत श्रद्धा का त्याग करना सम्यक्त्व संवर है। सम्यक्त्व की प्राप्ति हो जाने पर भी त्याग के बिना संवर नहीं होता।

व्रत संवर—पापकारी प्रवृत्ति का सर्वथा त्याग करना व्रत संवर है। इच्छानुसार त्याग करना देशव्रत संवर है।

व्रत संवर त्याग करने पर ही होता है। साधु पूर्ण रूप से अव्रत का त्याग कर देते हैं। इसलिए उनके पूर्ण व्रत संवर होता है। श्रावक पूर्णत: व्रती नहीं बन सकता। वह यथाशक्ति त्याग करता है इसलिए उसके देशव्रत संवर होता है।

अप्रमाद संवर—अध्यात्म के प्रति होनेवाले आत्मस्थित अनुत्साह का नष्ट हो जाना अप्रमाद संवर है।

अकषाय संवर—आत्मस्थित कषाय नष्ट हो जाना अकषाय संवर है।

अयोग संवर—शुभ-अशुभ दोनों प्रकार के योग का सर्वथा निरोध हो जाना अयोग संवर है।

अयोग संवर पूर्ण रूप से चौदहवें गुणस्थान में ही होता है। उसके पहले आंशिक होता है।

प्राणातिपात विरमण संवर—जीव हिंसा का सर्वथा त्याग करना।

मृषावाद विरमण संवर—झूठ बोलने का सर्वथा त्याग करना।

अदत्तादान विरमण संवर—बिना दी हुई वस्तु लेने का सर्वथा त्याग करना।

मैथुन विरमण संवर—अब्रह्मचर्य सेवन का सर्वथा त्याग करना।

परिग्रह विरमण संवर—धन-धान्य आदि परिग्रह एवं उसके प्रति ममत्व भाव का सर्वथा त्याग करना।

श्रोत्रेन्द्रिय निग्रह संवर—प्रत्याख्यान के द्वारा श्रोत्रेन्द्रिय को वश में करना, मनोज्ञ-अमनोज्ञ शब्दों पर आते हुए राग-द्वेष को रोकना।

चक्षुरिन्द्रिय निग्रह संवर—प्रत्याख्यान के द्वारा चक्षुरिन्द्रिय को वश में करना, मनोज्ञ-अमनोज्ञ रूप पर आते हुए राग-द्वेष को रोकना।

घ्राणेन्द्रिय निग्रह संवर—प्रत्याख्यान के द्वारा घ्राणेन्द्रिय को वश में करना, मनोज्ञ-अमनोज्ञ गंध पर आते हुए राग-द्वेष को रोकना।

रसनेन्द्रिय निग्रह संवर—प्रत्याख्यान के द्वारा रसनेन्द्रिय को वश में करना, मनोज्ञ-अमनोज्ञ रसों पर आते हुए राग-द्वेष को रोकना।

स्पर्शनेन्द्रिय निग्रह संवर—प्रत्याख्यान के द्वारा स्पर्शनेन्द्रिय को वश में करना, मनोज्ञ-अमनोज्ञ स्पर्शों पर आते हुए राग-द्वेष को रोकना।

मन निग्रह संवर—अच्छे बुरे विचारों का निरोध करना।

वचन निग्रह संवर—अच्छे बुरे वचनों का निरोध करना।

भण्डोपकरण रखने में अयतना न करना संवरवस्त्र-पात्र आदि उपकरणों से अयतना (हिंसा) करने का त्याग करना।

सूचि कुशाग्र मात्र दोष सेवन न करना संवरकिंचित भी पापमय प्रवृत्ति करने का त्याग करना।

अप्रमाद संवर, अकषाय संवर, अयोग संवर त्याग करने से नहीं होते, तपस्या साधना आदि के द्वारा आत्मा की उज्ज्वलता होने से होते हैं।

संवर के प्रथम पांच भेद मूल हैं। शेष पन्द्रह भेद व्रत संवर के अन्तर्गत आते हैं। क्योंकि ये त्याग करने से होते हैं।

प्रश्‍न हो सकता है कि प्राणातिपात आदि पन्द्रह आश्रव योग आश्रव के अन्तर्गत लिए गए हैं तो प्राणातिपात विरमण आदि पन्द्रह संवर व्रत संवर के अन्तर्गत क्यों लिए गए? यहां यह ज्ञातव्य है कि पन्द्रह आश्रव प्रवृत्ति रूप हैं। प्रवृत्ति योग आश्रव है। मन, वचन और शरीर की असत् प्रवृत्ति से ही प्राणातिपात आदि होते हैं। अत: प्राणातिपात आदि पन्द्रह आश्रव योग आश्रव में लिए गए हैं। पन्द्रह आश्रवों का प्रत्याख्यान करने से अव्रत का निरोध होता है। उससे व्रत संवर निष्पन्न होता है।

योग की प्रवृत्ति दो प्रकार की होती है—शुभ और अशुभ। अयोग संवर दोनों के सर्वथा निरोध होने से होता है। अशुभ प्रवृत्ति का पूर्ण त्याग छठे गुणस्थान में हो जाता है पर शुभ प्रवृत्ति तेरहवें गुणस्थान तक चालू रहती है। इसलिए ये पन्द्रह भेद अयोग संवर में नहीं आ सकते।

निर्जरा तत्त्व के बारह भेद

अनशन, ऊनोदरी, भिक्षाचरी, रसपरित्याग, कायक्लेश, प्रतिसंलीनता, प्रायश्‍चित्त, विनय, वैयावृत्त्य, स्वाध्याय, ध्यान, व्युत्सर्ग।

निर्जरा—शुभ योग की प्रवृत्ति से होने वाली आत्मा की आंशिक उज्ज्वलता को निर्जरा कहते हैं।

निर्जरा का कोई भेद नहीं होता। वह एक ही प्रकार की होती है, पर निर्जरा के जो कारण हैं उन्हीं के आधार पर निर्जरा के भेद किये गये हैं। जैसे अग्‍नि एक ही होती है, पर काठ, पत्थर, गोबर आदि कारणों के भेद से काठ की अग्‍नि, पत्थर की अग्‍नि, गोबर की अग्‍नि इस प्रकार भेद कर दिए जाते हैं। इसी प्रकार तपस्या के भेद से निर्जरा के भी बारह भेद किए गए हैं।

अनशन—अशन, पान, खाद्य, स्वाद्यइस चतुर्विध आहार का अथवा पानी को छोड़कर तीन प्रकार के आहार का त्याग करना अनशन है। यह दो प्रकार का होता है—इत्वरिक (अल्पकालिक) यावत्कथिक (जीवन भर)। कुछ समय के लिए आहार का त्याग करना इत्वरिक है। उपवास से लेकर छह महीने तक का तप इत्वरिक अनशन कहलाता है।

जीवन भर के लिए आहार का त्याग करना यावत्कथिक अनशन कहलाता है। बोलचाल की भाषा में इसे संथारा कहा जाता है।

ऊनोदरी—जितनी भूख हो उससे कम खाना ऊनोदरी है। आगम में ऊनोदरी के दो प्रकार बताए हैं—द्रव्य ऊनोदरी, भाव ऊनोदरी। भोजन, पानी एवं वस्त्र आदि में अल्पीकरण करना द्रव्य ऊनोदरी है। क्रोध, मान, माया, लोभइस कषाय-चतुष्टयी का अल्पीकरण करना भाव ऊनोदरी है।

भिक्षाचरी—विविध प्रकार के अभिग्रह (प्रतिज्ञाएं) स्वीकार करना, जैसे—कोई साधु अभिग्रह करे—इतने घरों से अधिक घरों की भिक्षा ग्रहण नहीं करूंगा, अमुक पदार्थ न मिला तो भोजन नहीं करूंगाइस प्रकार की प्रतिज्ञाएं करना भिक्षाचरी है।

रस परित्याग—विगय (दूध, दही, घी, तेल, मिष्ट, कढ़ाई) का त्याग करना।

कायक्लेश—आसन आदि करना, आतापना लेना, शरीर के ममत्व का त्याग करना, पाद-विहार करना, केशलोच करना आदि सब कायक्लेश हैं।

प्रतिसंलीनता—इन्द्रियों और मन को वश में करना, उन्हें विषयों से हटाना।

निर्जरा के ये छह भेद—आत्म शुद्धि के बहिरंग कारण हैं। बाह्य शरीर को तपानेवाले हैं। इसलिए इन्हें बाह्य तप कहा जाता है।

प्रायश्‍चित्त—जान या अनजान में स्वीकृत व्रतों में दोष लग जाने पर उसकी विशुद्धि के लिए यथोचित तप आदि अनुष्ठान करना।

विनयमानसिक, वाचिक और कायिक अहंकार का विलय करना।

वैयावृत्त्य—आचार्य, वृद्ध, रोगी, तपस्वी आदि की सेवा करना।

स्वाध्यायकाल आदि की मर्यादा को ध्यान में रखकर धर्मशास्त्रों का एवं आध्यात्मिक साहित्य का अध्ययन करना।

ध्यानचित्त को अशुभ प्रवृत्ति से हटा कर शुभ प्रवृत्ति में एकाग्र करना।

व्युत्सर्गशरीर की हलन-चलन आदि कायिक प्रवृत्ति को छोड़ना बाह्य व्युत्सर्ग है। इसे द्रव्य व्युत्सर्ग कहा जाता है। क्रोध आदि कषायों को छोड़ना आन्तरिक व्युत्सर्ग है। इसे भाव व्युत्सर्ग कहा जाता है।

ये छह भेद आत्म विशुद्धि के अन्तरंग कारण हैं। आत्मा की आन्तरिक प्रवृत्तियों को तपाने वाले हैं, इसलिए इन्हें आभ्यन्तर तप कहा है।

सकाम निर्जरा, अकाम निर्जरा

निर्जरा दो प्रकार की होती है—सकाम निर्जरा, अकाम निर्जरा। आत्म शुद्धि के लक्ष्य से जो निर्जरा की जाती है वह सकाम निर्जरा कहलाती है। जो आत्म-शुद्धि के लक्ष्य के बिना अज्ञान वश या पराधीनतावश निर्जरा की जाती है वह अकाम निर्जरा कहलाती है।

बंध तत्त्व के चार भेद

प्रकृति बंध, स्थिति बंध, अनुभाग बंध, प्रदेश बंध।

बंध—आत्मा के साथ शुभ-अशुभ कर्मों का दूध और पानी की तरह एकीभूत हो जाना बंध है। प्रकृति बंधकर्मों का स्वभाव। आत्मा के साथ बंधे हुए कर्मों में कोई कर्म ज्ञान को रोकने वाला है, कोई दर्शन को रोकने वाला है, इस प्रकार आठों ही कर्मों का जो स्वभाव है, वह प्रकृति बंध है।

स्थिति बंध—कर्मों की स्थिति। जीव के द्वारा ग्रहण किये गए शुभ-अशुभ कर्म पुद्गल आत्मा के साथ कितने समय तक बंधे रहेंगे? इस प्रकार की निश्‍चित कालावधि का होना स्थिति बंध है।

अनुभाग बंध—कर्मों का विपाक। किस कर्म का फल तीव्र होगा? किस कर्म का फल मंद होगा? इस प्रकार फल देने की शक्ति अनुभाग बंध है।

प्रदेश बंध—भिन्न-भिन्न कर्म पुद्गलों में परमाणुओं की संख्या का न्यूनाधिक होना प्रदेश बंध है। कर्म परमाणु ग्रहण किये जाने पर भिन्न भिन्न स्वभाव में परिणत होनेवाली कर्म पुद्गलों की राशि स्वभावानुसार अमुक-अमुक परिमाण में विभक्त हो जाती है। यह परिमाण विभाग ही प्रदेश बंध है।

मोदक का दृष्टान्त

बंध के चार भेदों को समझने के लिए मोदक का दृष्टान्त प्राप्त है।

प्रकृति बंध—मोदक अलग-अलग प्रकृति के होते हैं। वायु नाशक औषधियों से बना हुआ मोदक वायु का नाश करता है। पित्त नाशक औषधियों से बना हुआ मोदक पित्त का नाश करता है। कफ नाशक औषधियों से बना हुआ मोदक कफ की बीमारी का नाश करता है।

घी, चीनी, आटा आदि समान होने पर भी औषधियों की भिन्नता से मोदक की प्रकृति भिन्न-भिन्न हो जाती है। वैसे ही कर्म वर्गणा के पुद्गल समान होने पर भी जीव की प्रवृत्ति के आधार पर कर्मों की प्रकृति भिन्न-भिन्न होती है। यह प्रकृति बन्ध है।

स्थिति बंध—कुछ मोदक एक दो दिन रह सकते हैं, कुछ मोदक सप्ताह तक रह सकते हैं।

कुछ मोदक पन्द्रह दिन तक भी रह सकते हैं। कुछ उससे अधिक भी। इसी तरह कर्मों की निश्‍चित अवधि होती है। कुछ कर्म अधिक समय तक आत्मा के साथ रहते हैं, कुछ कम समय तक रहते हैं। यह स्थिति बंध है।

अनुभाग बंध—कुछ मोदक मीठे होते हैं, कुछ कड़वे होते हैं। कुछ थोड़े कड़वे-थोड़े मीठे होते हैं। वैसे ही कर्मों का अनुभाग (फल) किसी का तीव्र रस युक्त होता है, किसी का मन्द रस युक्त होता है। यह अनुभाग बंध है।

प्रदेश बंध—कुछ मोदक परिमाण में छोटे होते हैं, कुछ बड़े होते हैं। इसी तरह कर्म वर्गणा भी कम या अधिक परिमाण वाली होती है। यह प्रदेश बंध है।

मोक्ष प्राप्ति के चार कारण

ज्ञान, दर्शन, चारित्र, तप।

मोक्ष—समस्त कर्मों से छूट जाना, आत्म स्वरूप में स्थित हो जाना मोक्ष है। मुक्त आत्माएं जहां रहती हैं उपचार से उस स्थान को भी मोक्ष कहा गया है। मोक्ष प्राप्ति के चार कारण हैं—सम्यक् ज्ञान, सम्यक् दर्शन, सम्यक् चारित्र, सम्यक् तप।

ज्ञान से पदार्थों की जानकारी।

दर्शन से पदार्थों पर सम्यक् श्रद्धा।

चारित्र से कर्म आने के मार्गों को रोकना।

तप से कर्मों को तोड़कर आत्मा को विशुद्ध बनाना।

नौ तत्त्वों पर रूपक

नौ तत्त्वों को तालाब के रूपक से समझाया गया है, वह इस प्रकार है

जीव एक तालाब है। अजीव अतालाब रूप है। पुण्य-पाप तालाब से निकलते हुए पानी के समान है। आश्रव तालाब का नाला है। नाले को बांध देना संवर है। तालाब के अन्दर रहे हुए पानी को हाथों से, बाल्टी से या किसी नाले आदि से निकालना निर्जरा है। तालाब के अन्दर का पानी बंध है। खाली तालाब मोक्ष है।

♦

पन्द्रहवां बोल : आत्मा आठ

15

पन्द्रहवां बोल : आत्मा आठ

द्रव्य आत्मा, कषाय आत्मा, योग आत्मा, उपयोग आत्मा, ज्ञान आत्मा, दर्शन आत्मा, चारित्र आत्मा, वीर्य आत्मा।

आत्मा मूलत: एक होती है। भेद की विवक्षा करें तो जीव की जितने भावों में परिणतियां होती हैं उतनी ही आत्माएं कह सकते हैं। संक्षेप में उन्हें आठ भागों में बांटा गया है।

द्रव्य आत्मायह चैतन्यमय असंख्य प्रदेशों का पिण्ड है। त्रैकालिक सत्ता रूप है। इसका एक भी प्रदेश कभी कम या अधिक नहीं होता। कोई भी समय ऐसा नहीं आता जब द्रव्य आत्मा न हो। यह आत्मा संसारी प्राणी हो या सिद्ध हो, सभी में विद्यमान है। इसे आत्मा का अस्तित्व कहा जा सकता है।

कषाय आत्मा—क्रोध आदि कषायों में विद्यमान आत्मा कषाय आत्मा है।

योग आत्मा—मन, वचन और शरीर की क्रिया में विद्यमान आत्मा योग आत्मा है। यह शुभ-अशुभ दोनों प्रकार की होती है। शुभ योग आत्मा निरवद्य है। यह तेरहवें गुणस्थान तक पाई जाती है। अशुभ योग आत्मा सावद्य है। यह छठे गुणस्थान तक होती है।

उपयोग आत्मा—ज्ञान-दर्शनमय चेतना का लक्षण उपयोग है। इसमें आत्मा का परिणमन उपयोग आत्मा है। उपयोग आत्मा सिद्ध और संसारी सभी जीवों में होती है। एकेन्द्रिय जीव भी उपयोग शून्य नहीं हो सकता। 'मैं जीव हूं' इतना उपयोग तो हर प्राणी में होता है।

ज्ञान आत्मा—जीव की सम्यक् ज्ञान में परिणति ज्ञान आत्मा है। यह सम्यक्दृष्टि जीवों में होती है।

दर्शन आत्मा—दर्शन का अर्थ है रुचि या श्रद्धा होना। जीव आदि तत्त्वों के प्रति यथार्थ या अयथार्थ श्रद्धा दर्शन आत्मा है।

चारित्र आत्मा—सर्व विरति चारित्र में आत्मा का स्थिर होना चारित्र आत्मा है। चारित्र आत्मा छठे गुणस्थान से प्राप्त होती है।

वीर्य आत्मा—आत्मा की शक्ति वीर्य आत्मा है। यह सब संसारी जीवों में होती है। क्योंकि एकेन्द्रिय जीवों में भी यत्किंचित् सामर्थ्य होता ही है।

इन आठ आत्माओं की संबंध योजना इस प्रकार की जा सकती है—आत्मा और जीव पर्यायवाची शब्द हैं। द्रव्य आत्मा और जीव एक ही है, कषाय जीव का कर्म कृत दोष है।

योग जीव की प्रवृत्ति है। उपयोग जीव का लक्षण है। ज्ञान जीव का गुण है। दर्शन जीव की रुचि है। चारित्र जीव की निवृत्ति रूप अवस्था है। वीर्य जीव की शक्ति है।

इन आठ आत्माओं में द्रव्य आत्मा मूल है, शेष आत्माएं उसकी अवस्थाएं हैं। इनको भाव आत्मा भी कहते हैं। द्रव्य आत्मा शाश्‍वत है। शेष आत्माएं परिवर्तनशील हैं।

किस जीव में कितनी आत्मा?

मिथ्यात्वी में आत्मा छह हैं—ज्ञान और चारित्र आत्मा को छोड़कर।

पांचवें गुणस्थानवर्ती श्रावक में आत्मा सात हैं—'चारित्र आत्मा को छोड़कर। यद्यपि श्रावक भी आंशिक व्रत ग्रहण करता है, पर पूर्ण व्रत के अभाव में उसमें चारित्र आत्मा नहीं ली गई है।

साधु में छठे गुणस्थान से लेकर दसवें गुणस्थान तक आठों ही आत्माएं हैं। दसवें गुणस्थान तक कषाय विद्यमान है। ग्यारहवें, बारहवें व तेरहवें गुणस्थान में कषाय को छोड़कर सात आत्माएं हैं।

चौदहवां गुणस्थान—योग रहित अवस्था है। वहां छह आत्माएं हैंकषाय और योग को छोड़कर।

सिद्धों में चार आत्माएं हैं—द्रव्य, उपयोग, ज्ञान, दर्शन।

♦

सोलहवां बोल : दण्डक चौबीस

16

सोलहवां बोल : दण्डक चौबीस

सात नारकी का दण्डक एक पहला

भवनपति देवों के दण्डक-दस

  असुरकुमार का दण्डक—दूसरा

  नागकुमार का दण्डक—तीसरा

  सुपर्णकुमार का दण्डक—चौथा

  विद्युत्कुमार का दण्डक—पांचवां

  अग्‍निकुमार का दण्डक—छठा

  द्वीपकुमार का दण्डक—सातवां

  उदधिकुमार का दण्डक—आठवां

  दिक्कुमार का दण्डक—नौवां

  वायुकुमार का दण्डक—दसवां

  स्तनितकुमार का दण्डक—ग्यारहवां

पांच स्थावर जीवों के दण्डक-पांच

  पृथ्वीकाय का दण्डक—बारहवां

  अप्काय का दण्डक—तेरहवां

  तेजस्काय का दण्डक—चौदहवां

  वायुकाय का दण्ड—पन्द्रहवां

  वनस्पतिकाय का दण्डक—सोलहवां

  द्वीन्द्रिय का दण्डक—सतरहवां

  त्रीन्द्रिय का दण्डक—अठारहवां

  चतुरिन्द्रिय का दण्डक—उन्नीसवां

  तिर्यंच पंचेन्द्रिय का दण्डक—बीसवां

  मनुष्य पंचेन्द्रिय का दण्डक—इक्कीसवां

  व्यन्तर देवों का दण्डक —बाईसवां

  ज्योतिष्क देवों का दण्डक —तेईसवां

  वैमानिक देवों का दण्डक —चौबीसवां

संसारी जीवों को अलग-अलग रूपों से समझाया गया है। पिछले बोलों में कहीं जीवों को चार गति के रूप में, कहीं पांच जाति के रूप में, कहीं छह काय के रूप में विभक्त किया है। प्रस्तुत बोल में संसार के सभी प्राणियों को चौबीस भागों में बांटा गया है। उन्हें कृत कर्म भोगने के चौबीस दण्डक कहा है।

दण्डक शब्द के दो अर्थ कर सकते हैं—एक अर्थ है दण्ड यानी सजा। दूसरा अर्थ है—विभाग। प्राणी अपने कृत कर्मों के अनुसार समस्त जीवयोनियों में भ्रमण रूप दण्ड भोगता है, वह दण्डक है। दूसरा अर्थ विभाग करें तो चारों गतियों के जीवों के चौबीस विभाग किये गये हैं। सात नारकी का दण्डक एक है। तिर्यंच गति के दण्डक नौ हैं। मनुष्य का दण्डक एक है।

देव गति के दण्डक तेरह हैं।

प्रश्‍न हो सकता है नारक और मनुष्य के एक-एक दण्डक तथा तिर्यंच व देवों के अधिक दण्डक किये गये, ऐसा क्यों?

आगम की एक संख्यापरक शैली रही है। उसी शैली के आधार पर समस्त जीवों को चौबीस भागों में बांटना है। अत: इस प्रकार विभाग किया गया है। चारों गतियों का विस्तार प्रथम बोल में किया गया है।

♦

सतरहवां बोल : लेश्या छह

17

सतरहवां बोल : लेश्या छह

1. कृष्ण लेश्या 2. नील लेश्या 3. कापोत लेश्या 4. तेजो लेश्या 5. पद्म लेश्या 6. शुक्ल लेश्या।

लेश्या—योग वर्गणा के अन्तर्गत पुद्गल द्रव्यों के संयोग से होनेवाले आत्म-परिणाम का नाम लेश्या है। कर्म युक्त आत्मा का पुद्गल द्रव्य के साथ घनिष्ठ सम्बन्ध है। आत्मा पुद्गलों को ग्रहण करती है और वे पुद्गल उसके चिन्तन को प्रभावित करते हैं। विचारों में परिवर्तन पौद्गलिक सहायता के बिना नहीं होता।

आत्मा का स्वरूप स्फटिक के समान स्वच्छ है, पर कर्म पुद्गल से आवृत होने के कारण उसका स्वरूप विकृत रहता है। विकृति की न्यूनता और अधिकता के आधार पर आत्मा के परिणामों में अनन्तगुणा तरतमता हो सकती है।

आत्मा के परिणामों को भाव लेश्या और उसमें निमित्त बनने वाले पुद्गलों को द्रव्य लेश्या कहा गया है। लेश्याओं के नाम द्रव्य लेश्या के आधार पर रखे गये हैं।

लेश्याओं का स्वरूप

1. कृष्ण लेश्या—काजल के समान कृष्ण और नीम से अनन्तगुण कटु पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह कृष्ण लेश्या है।

2. नील लेश्या—नीलम के समान नीले और सौंठ से अनन्तगुण तीक्ष्ण पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह नील लेश्या है।

3. कापोत लेश्या—कबूतर के गले के समान वर्ण वाले और कच्चे आम के रस से अनन्तगुण कषैले पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह कापोत लेश्या है।

4. तेजो लेश्या—हिंगुल के समान लाल और पके आम के रस से अनन्तगुण मधुर पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह तेजो लेश्या है।

5. पद्म लेश्या—हल्दी के समान पीले तथा मधु से अनन्तगुण मिष्ट पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह पद्म लेश्या है।

6. शुक्ल लेश्या—शंख के समान श्‍वेत और मिसरी से अनन्तगुण मीठे पुद्गलों के संयोग से आत्मा का जो परिणाम होता है, वह शुक्ल लेश्या है।

लेश्याओं के लक्षण

1. कृष्ण लेश्या—मानसिक, वाचिक एवं कायिक क्रियाओं में असंयम रखना, बिना सोचे—समझे काम करना, क्रूर व्यवहार करना आदि कृष्ण लेश्या के लक्षण हैं।

2. नील लेश्या—कपट करना, निर्लज्ज होना, स्वाद-लोलुप होना, पौद्गलिक सुखों की खोज करना आदि नील लेश्या के लक्षण हैं।

3. कापोत लेश्या—कार्य करने एवं बोलने में वक्रता रखना, दूसरों को कष्ट देनेवाली भाषा बोलना आदि कापोत लेश्या के लक्षण हैं।

4. तेजो लेश्या—ममत्व से दूर रहना, धर्म में रुचि रखना आदि तेजो लेश्या के लक्षण हैं।

5. पद्म लेश्या—क्रोध न करना, मितभाषी होना, इन्द्रिय विजय करना आदि पद्म लेश्या के लक्षण हैं।

6. शुक्ल लेश्या—राग-द्वेष रहित होना, आत्मलीन होना आदि शुक्ल लेश्या के लक्षण हैं।

छह लेश्याओं में प्रथम तीन अधर्म लेश्याएं और अंतिम तीन धर्म लेश्याएं हैं।

दृष्टान्त से लेश्याओं का बोध

छह व्यक्ति जामुन के बाग में फल खाने गए। वहां पहुंचते ही पहला व्यक्ति बोला—'देखो, जामुन का वृक्ष आ गया। इसे काट गिराना ही अच्छा है ताकि नीचे बैठे-बैठे ही अच्छे फल खा सकें।' ऐसा सुनकर दूसरे व्यक्ति ने कहा—'इससे क्या लाभ? केवल बड़ी शाखाओं को काटने से ही काम चल जाएगा।' तीसरे ने कहा—'यह तो उचित नहीं। छोटी-छोटी शाखाओं से भी तो हमारा काम निकल जाएगा।' चौथे ने कहा—'केवल फल के गुच्छों को तोड़ना ही काफी है।' पांचवें ने कहा—'हमें गुच्छों से क्या प्रयोजन? सिर्फ फल ही तोड़कर खा लेना अच्छा है।' छठे मनुष्य ने कहा—'ये सब विचार व्यर्थ हैं। हमें जितनी आवश्यकता है उतने फल नीचे गिरे हुए हैं ही, फिर व्यर्थ में तोड़ने से क्या लाभ?

इस दृष्टान्त से लेश्याओं का स्पष्ट स्वरूप समझ में आ जाता है। पहले से दूसरे, दूसरे से तीसरे—इस प्रकार आगे से आगे पुरुषों के परिणामों में क्रमश: अच्छे विचारों की वृद्धि देखी गई है। पहले पुरुष के परिणाम कृष्ण लेश्या और क्रमश: छठे पुरुष के परिणाम शुक्ल लेश्या की तरह समझना चाहिए।

♦

अठारहवां बोल : दृष्टि तीन

18

अठारहवां बोल : दृष्टि तीन

1. सम्यग्दृष्टि 2. मिथ्यादृष्टि 3. सम्यग्मिथ्यादृष्टि।

सामान्यतया दृष्टि शब्द का अर्थ है—चक्षु। पर यहां दृष्टि शब्द तत्त्वश्रद्धा के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है। दृष्टि तीन हैं।

1. सम्यग्दृष्टि—जीव आदि पदार्थों के स्वरूप का सम्यक् बोध होना सम्यग्दृष्टि है।

2. मिथ्यादृष्टि—जीव आदि पदार्थों को मिथ्या अर्थात् विपरीत रूप से जानना मिथ्यादृष्टि है।

3. सम्यग्मिथ्यादृष्टि—किसी एक तत्त्व में सन्देह रखनेवाले की दृष्टि सम्यग्मिथ्यादृष्टि है।

तात्पर्य की भाषा में सम्यक्त्वी की दृष्टि सम्यग्दृष्टि, मिथ्यात्वी की दृष्टि मिथ्यादृष्टि और सम्यग्मिथ्यात्वी की दृष्टि सम्यग्मिथ्यादृष्टि कहलाती है। सम्यक्त्व एक आत्मिक गुण है। यह गुण किसी व्यक्ति, जाति, समाज आदि से प्राप्त नहीं होता। इसकी प्राप्ति उस प्राणी को होती है जिसके अनन्तानुबंधी क्रोध, मान, माया, लोभ अल्प हो जाते हैं। राग-द्वेष की मात्रा कम हो जाती है। सहज सरलता होती है। सम्यक्त्व की प्राप्ति आन्तरिक निर्मलता से भी हो सकती है और गुरु के उपदेश से भी।

सम्यक्त्व के लक्षण

कई व्यक्तियों के मन में प्रश्‍न उपस्थित होता है कि मैं सम्यक्त्वी हूं या नहीं? शास्त्रों में सम्यक्त्व की पहचान के पांच लक्षण बताए हैं। उन लक्षणों के आधार पर सम्यक्त्व की पहचान की जा सकती है।

1. शम—शान्ति। शान्त रहना, क्षण-क्षण में उत्तेजित नहीं होना, यह सम्यक्त्व का पहला लक्षण है।

2. संवेग—मुमुक्षा भाव। मुमुक्षा अर्थात् मुक्त होने की इच्छा। यह इच्छा जिस प्राणी में होती है, वह अकरणीय कार्य से डरता रहता है। यह सम्यक्त्व का दूसरा लक्षण है।

3. निर्वेद—अनासक्ति। अनासक्त प्राणी भौतिक पदार्थों का भोग करता हुआ भी उनमें लिप्त नहीं होता। यह सम्यक्त्व का तीसरा लक्षण है।

4. अनुकम्पा—करुणा। जिस प्राणी के चित्त में करुणा का भाव रहता है, वह छह काय के जीवों के प्रति अनुकम्पाशील रहता है। किसी भी प्राणी की अनावश्यक हिंसा न करने के प्रति जागरूक रहता है। यह सम्यक्त्व का चौथा लक्षण है।

5. आस्तिक्य—आत्मा, कर्म आदि में विश्‍वास। यहां विश्‍वास से तात्पर्य है कि प्राणी के मन में यह दृढ़ निश्‍चय रहता है कि आत्मा और कर्म दोनों का अस्तित्व है। आत्मा जैसा कर्म करती है, उसके अनुसार उसे फल भोगना पड़ता है। यह सम्यक्त्व का पांचवां लक्षण है।

सम्यक्त्व की पहचान मूलत: आन्तरिक है, पर व्यवहार में उपरोक्त बिन्दुओं के आधार पर व्यक्ति स्वयं भी अपनी पहचान कर सकता है और दूसरे भी कर सकते हैं।

सम्यक्त्व के दूषण

सम्यक्त्व की पहचान के पांच हेतु हैं, वैसे ही सम्यक्त्व को दूषित करनेवाले पांच कारण बताए गए हैं। अत: सम्यक्त्व के दूषणों को समझ कर उनसे बचने की कोशिश करनी चाहिए। वे पांच दूषण हैं—

1. शंका—तत्त्व के प्रति संदेह होना अथवा अपने लक्ष्य के प्रति संदेह होना।

2. कांक्षा—विपरीत मार्ग की ओर ले जानेवाले पथ के प्रति अनुराग पैदा होना।

3. विचिकित्सा—जो पथ स्वीकार किया है, उसके प्रति संशयशील बन जाना कि यह मार्ग सही है या नहीं?

4. परपाषण्डप्रशंसा—लक्ष्य के प्रतिकूल ले जानेवाले व्यक्तियों की अथवा लक्ष्य के प्रतिकूल चलनेवाले व्यक्तियों की प्रशंसा करना।

5. परपाषण्डपरिचय—लक्ष्य के प्रतिकूल ले जानेवाले अथवा लक्ष्य के प्रतिकूल चलनेवाले व्यक्तियों के संपर्क में रहना।

सम्यक्त्व के भूषण

सम्यक्त्व के लक्षण और दूषण की तरह सम्यक्त्व के पांच भूषण भी उपलब्ध होते हैं। भूषण अर्थात् सम्यक्त्व को सजाने वाले, पुष्ट करने वाले।

1. स्थैर्य—धर्म में स्थिर रहना। प्रतिकूल परिस्थिति आने पर भी धर्म से विचलित न होना।

2. प्रभावना—धर्म की महिमा बढ़ाना। दूसरों को भी सम्यक् धर्म की जानकारी देकर उसे धार्मिक बनाने की दिशा में प्रयत्‍न करना।

3. भक्ति—धर्म शासन के प्रति बहुमान के भाव रखना।

4. कौशल—धर्म के तत्त्वों को स्वयं समझने और दूसरों को समझाने की निपुणता प्राप्त करना।

5. तीर्थ सेवा—साधु-साध्वी, श्रावक-श्राविका रूप चार तीर्थ की यथोचित सेवा करना। दृष्टियां किसमें कितनी?

नारक, संज्ञी मनुष्य, संज्ञी तिर्यंच और बारहवें स्वर्ग तक के देवों में तीनों दृष्टियां पाई जाती हैं।

पांच अनुत्तर विमान के देवों में एक सम्यक्दृष्टि है।

पांच स्थावर, असंज्ञी मनुष्य मिथ्यादृष्टि होते हैं।

नौ ग्रैवेयक, तीन विकलेन्द्रिय और असंज्ञी तिर्यंच पंचेन्द्रिय में दो दृष्टियां हैं—सम्यक्दृष्टि, मिथ्यादृष्टि।

मिश्रदृष्टि केवल संज्ञी जीवों में ही हो सकती है, क्योंकि यह सही है अथवा यह सही है?

ऐसा सन्देह समनस्क जीव ही कर सकता है।

♦

उन्नीसवां बोल : ध्यान चार

19

उन्नीसवां बोल : ध्यान चार

आर्त्तध्यान, रौद्रध्यान, धर्म्यध्यान, शुक्लध्यान।

ध्यानकिसी एक विषय पर चित्त को एकाग्र करना अथवा मन, वचन और शरीर की चेष्टा का निरोध करना ध्यान है। एकाग्रता लक्ष्य के आधार पर होती है। लक्ष्य इष्ट भी हो सकता है, अनिष्ट भी हो सकता है। लक्ष्य की इष्टता और अनिष्टता के आधार पर ध्यान भी इष्ट और अनिष्ट बन जाता है। ध्यान के चार प्रकार हैं।

आर्त्तध्यान— अर्ति का अर्थ है पीड़ा या दु:ख। इसमें होनेवाली एकाग्रता आर्त्तध्यान है। आर्त्तध्यान के अनेक कारण हो सकते हैं। मुख्य रूप से चार कारण हैं—

प्रिय का वियोग—मन के अनुकूल होनेवाले किसी पदार्थ या व्यक्ति का वियोग हो जाने पर निरन्तर चिन्तामग्‍न रहना आर्त्तध्यान है।

अप्रिय का संयोग—अप्रिय व्यक्ति या वस्तु प्राप्त हो जाने पर उससे छुटकारा पाने के लिए निरन्तर चिन्तामग्‍न रहना आर्त्तध्यान है।

वेदना का जन्म—शारीरिक या मानसिक बीमारी हो जाने पर उससे छुटकारा पाने के लिए रात-दिन चिन्तातुर रहना आर्त्तध्यान है।

भोग-लालसा—भोगों की तीव्र लालसा के वशीभूत होने पर उनको प्राप्त करने के लिए निरन्तर छटपटाते रहना आर्त्तध्यान है।

रौद्रध्यान— रौद्र का अर्थ है क्रूरता। जब आर्त्तध्यान में गया हुआ व्यक्ति अपनी सीमाएं तोड़कर आक्रान्ता बन जाता है, क्रूर बन जाता है तब रौद्रध्यान होता है। रौद्रध्यान के भी चार प्रकार हैं

हिंसानुबंधी

मृषानुबन्धी

चौर्यानुबन्धी

विषयसंरक्षणानुबन्धी।

हिंसा करने, झूठ बोलने, चोरी करने और प्राप्त विषयों को मजबूती से संभाल कर रखने में निरन्तर चित्तवृत्ति का कठोर और क्रूर बनना तथा इन्हीं कारणों में एकाग्र रहना रौद्रध्यान है।

आर्त्तध्यान और रौद्रध्यान दोनों अप्रशस्त ध्यान हैं। आत्मा से विमुख करनेवाले हैं। संसार वृद्धि के कारण हैं।

धर्म्यध्यान— धार्मिक क्रियाओं में, सूत्रार्थ के चिन्तन में, इन्द्रिय-विषयों से निवृत्त होने आदि में मन, वचन, काय की एकाग्रता होना धर्म्यध्यान है।

धर्म्यध्यान के चार प्रकार हैं—

आज्ञा विचय—किस काम में सर्वज्ञ की आज्ञा है, उनका क्या उपदेश है, इसका चिन्तन करना।

अपाय विचय—अपाय अर्थात् दोष। कर्म सबसे बड़ा दोष है। वे कौन से कर्म हैं जो मेरे आत्म-कल्याण में बाधक हैं, उन कर्मों से कैसे छुटकारा पाया जा सकता है, इसका चिन्तन करना।

विपाक विचय—विपाक अर्थात् फल। किस कर्म का क्या फल है इस प्रकार के चिन्तन में एकाग्र होना।

संस्थान विचय—लोक के स्वरूप पर विचार करना, अथवा वीतराग द्वारा बताए गए द्रव्यों और उनकी विविध पर्यायों का चिन्तन करना।

शुक्लध्यान—समाधि की अवस्था शुक्लध्यान है। श्रुतज्ञान का आलम्बन लेकर चेतन या अचेतन पदार्थ की विभिन्न पर्यायों का भिन्न-भिन्न रूप से चिन्तन करने में एकाग्र होना तथा योगों का निरोध करना शुक्लध्यान है। इस ध्यान का साधक उस स्थिति में पहुंच जाता है जहां बाह्य विषयों से ध्यान पूर्णत: हट जाता है। यहां तक कि कोई शरीर का छेदन-भेदन भी करे तो भी अंशमात्र भी विचलित होने की स्थिति नहीं होती।

किस गुणस्थान में कितने ध्यान?

छठे गुणस्थान तक—ध्यान तीनआर्त्त, रौद्र, धर्म्य।

छठे गुणस्थान तक—ध्यान तीनआर्त्त, रौद्र, धर्म्य।

ग्यारहवें, बारहवें गुणस्थान में ध्यान दोधर्म्य, शुक्ल।

तेरहवें, चौदहवें गुणस्थान में ध्यान एक—शुक्ल।

♦

बीसवां बोल : षट्द्रव्यों का ज्ञान

20

बीसवां बोल : षट्द्रव्यों का ज्ञान

द्रव्य छह हैं—धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय, काल, पुद्गलास्तिकाय, जीवास्तिकाय।

1. धर्मास्तिकाय—द्रव्य से—एक द्रव्य। क्षेत्र से लोकपरिमाण। काल से—अनादि-अनन्त। भाव से—अरूपी। गुण से—गतिशील पदार्थों की गति में अपेक्षित सहायता करना।

2. अधर्मास्तिकाय—द्रव्य से—एक द्रव्य। क्षेत्र से —लोक—परिमाण। काल से—अनादि-अनन्त। भाव से—अरूपी। गुण से स्थिर होने वाले पदार्थों को स्थिर रहने में अपेक्षित सहायता करना।

3. आकाशास्तिकाय—द्रव्य से—एक द्रव्य। क्षेत्र से—लोक-अलोक-परिमाण। काल सेअनादि-अनन्त। भाव से—अरूपी। गुण से—समस्त पदार्थों को अवकाश देना, स्थान देना।

4. काल—द्रव्य से—अनन्त द्रव्य। क्षेत्र से—ढाई द्वीप परिमाण। काल से—अनादि-अनन्त। भाव से—अरूपी। गुण से—वर्तना।

5. पुद्गलास्तिकाय—द्रव्य से—अनन्त द्रव्य। क्षेत्र से—लोक परिमाण। काल से—अनादि-अनन्त। भाव से—रूपी। गुण से—गलन-मिलन स्वभाव।

6. जीवास्तिकाय—द्रव्य से—अनन्त द्रव्य। क्षेत्र से—लोक परिमाण। काल से—अनादि-अनन्त। भाव से—अरूपी। गुण से—चैतन्यगुण।

द्रव्य—जिसमें गुण और पर्याय दोनों होते हैं उसे द्रव्य कहते हैं।

गुण—जो निरन्तर द्रव्य के साथ रहता है, द्रव्य को छोड़कर कभी अलग नहीं हो सकता, उसे गुण कहते हैं।

पर्याय—द्रव्य की बदलती हुई भिन्न-भिन्न अवस्थाओं को पर्याय कहते हैं।

अवस्थाएं बदलने पर भी द्रव्य अपने स्वरूप में अवस्थित रहता है। इसे स्वर्ण के उदाहरण से समझा जा सकता है। सोने की कभी अंगूठी बनाई जाती है, कभी उसे तोड़कर कंगन बना दिया जाता है। यह अवस्था (पर्याय) का परिवर्तन है। दोनों स्थितियों में सोना-सोना ही रहता है। ठीक इसी तरह द्रव्य नित्य है, शाश्‍वत है। पर्यायों का परिवर्तन होने पर भी द्रव्य अपने द्रव्यत्व गुण को नहीं छोड़ता।

चौदहवें बोल में छह द्रव्यों का संक्षिप्त विवेचन है। प्रस्तुत बोल में द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव और गुणइन पांचों के आधार पर छह द्रव्यों का स्वरूप समझाया गया है।

द्रव्य—द्रव्य (पदार्थ) का स्वरूप क्या है?

क्षेत्र—द्रव्य किस स्थान में है?

काल—द्रव्य कब उत्पन्न हुआ? वर्तमान में है या नहीं? भविष्य में कब तक रहेगा? भावद्रव्य किस अवस्था में रहता है?

गुण—वह संसार के लिए उपकारक है या नहीं? है तो क्या उपकार करता है?

धर्मास्तिकाय— द्रव्य से एक द्रव्य है। असंख्य प्रदेशों का अविभाज्य पिण्ड है। संलग्‍न रूप से एकाकार है। उसके विभाग नहीं होते।

क्षेत्र से पूरे लोक में व्याप्त है। लोक का कोई भी स्थान ऐसा नहीं, जहां धर्मास्तिकाय न हो। काल से—अनादि अनन्त है। वह सदा है, सदा रहेगा। न कभी उत्पन्न हुआ है, न कभी नष्ट होगा। त्रिकालवर्ती है।

भाव से—अरूपी (अमूर्त) है। उसमें वर्ण आदि नहीं हैं।

गुण से—जीव और पुद्गल के चलने में उदासीन भाव से सहायक द्रव्य है।

अधर्मास्तिकाय— अधर्मास्तिकाय के द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव धर्मास्तिकाय की तरह ही समझना चाहिए।

गुण से—जीव और पुद्गल के स्थिर रहने में उदासीन भाव से सहायक द्रव्य है।

आकाशास्तिकाय— आकाशास्तिकाय द्रव्य, काल व भाव से धर्मास्तिकाय की तरह ही है।

क्षेत्र से लोक-अलोक दोनों में व्याप्त है।

गुण से—जीव और पुद्गल को आश्रय देनेवाला द्रव्य है।

यहां यह ज्ञातव्य है कि धर्मास्तिकाय और अधर्मास्तिकाय के प्रदेश असंख्य होते हैं पर आकाशास्तिकाय अनन्त प्रदेशी है। वह लोक और अलोक दोनों में व्याप्त है। इसलिए उसके दो भेद कर दिये गए—लोकाकाश और अलोकाकाश। लोकाकाश असंख्य प्रदेशी है।

अलोकाकाश अनन्त प्रदेशी है। अलोक में केवल एक आकाश द्रव्य ही है। धर्मास्तिकाय और अधर्मास्तिकाय वहां न होने के कारण जीव और पुद्गल भी वहां नहीं जा सकते हैं।

काल—द्रव्य से—अनन्त द्रव्य है।

क्षेत्र से—मनुष्य क्षेत्र परिमाण है।

जम्बूद्वीप, धातकीखण्ड द्वीप और अर्धपुष्कर द्वीप—इन ढाई द्वीपों को मनुष्य क्षेत्र कहा जाता है। सूर्य चन्द्र की गति मनुष्य क्षेत्र से बाहर नहीं होती।

काल से—अनादि अनन्त है।

भाव से—अरूपी है।

गुण से—वर्तना गुणवाला है। वह पदार्थों पर वर्तन करता है। पदार्थों का नये से पुराना होना काल का ही प्रभाव है।

काल के पीछे अस्तिकाय शब्द नहीं जुड़ता। क्योंकि काल के प्रदेशों का समूह नहीं होता। वर्तमान समय एक ही होता है।

पुद्गलास्तिकाय —द्रव्य से—अनन्त द्रव्य है। वह अन्य द्रव्यों की तरह अविभाज्य द्रव्य नहीं है।

उसका स्वभाव ही मिलना और बिखरना है। उसके परमाणु पृथक्-पृथक् हो जाते हैं और एकत्रित होकर स्कन्ध बन जाते हैं।

क्षेत्र से—लोक परिमाण है।

काल से—अनादि अनन्त है।

भाव से—रूपी है।

गुण से—मिलने-बिखरने वाला द्रव्य है। वह वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्शवाला है।

जीवास्तिकायद्रव्य से—अनन्त द्रव्य है। जीव अनन्त हैं। सबका स्वतंत्र अस्तित्व है।

क्षेत्र से—लोक परिमाण है।

काल से—अनादि अनन्त है।

भाव से—अरूपी है।

गुण से—चैतन्य गुण है।

♦

इक्कीसवां बोल : राशि दो

21

इक्कीसवां बोल : राशि दो

जीव राशि, अजीव राशि।

राशिराशि का अर्थ है समूह (ढेर)। पच्चीस बोल में संसार के जितने भी पदार्थ हैं उन्हें अलग-अलग तरीकों से समझाया गया है। कहीं नौ तत्त्वों के रूप में, कहीं छह द्रव्यों के रूप में व्याख्या की गई है। प्रस्तुत बोल में संसार के समस्त पदार्थों को दो समूह में ही बांट दिया गया हैजीव राशि, अजीव राशि। संसार में मूल पदार्थ दो ही हैंजीव और अजीव। शेष सारा इन दो का विस्तार है। जीव के पांच सौ त्रेसठ (५६३) भेद और अजीव के पांच सौ साठ (५६०) भेद किये गए हैं।

जीव के ५६३ भेद

• सात नारकी के पर्याप्त एवं अपर्याप्त१४ भेद।

• तिर्यंच के 48 भेद।

सूक्ष्म, बादर पृथ्वीकाय के अपर्याप्त, पर्याप्त—४

सूक्ष्म, बादर अप्काय के अपर्याप्त, पर्याप्त—४

सूक्ष्म, बादर तेजस्काय के अपर्याप्त, पर्याप्त—४

सूक्ष्म, बादर वायुकाय के अपर्याप्त, पर्याप्त—४

सूक्ष्म वनस्पति के अपर्याप्त, पर्याप्त—२

बादरप्रत्येक और साधारण वनस्पति के अपर्याप्त, पर्याप्त—४

तीन विकलेन्द्रिय के अपर्याप्त, पर्याप्त—६

जलचर, स्थलचर, उरपरिसर्प, भुजपरिसर्प तथा खेचर—इन पांच तिर्यंच पंचेन्द्रिय—संज्ञी, असंज्ञी के अपर्याप्त, पर्याप्त—२०

मनुष्य के ३०३ भेद

• संज्ञी मनुष्य के २०२ भेद

१५ कर्मभूमिक, ३० अकर्मभूमिक, ५६ अन्तर्द्वीपज के यौगलिक—कुल १०१। इनके अपर्याप्त, पर्याप्त२०२।

असंज्ञी मनुष्य के १०१ भेद

असंज्ञी मनुष्य संज्ञी मनुष्यों के मल-मूत्र आदि अशुचि (अपवित्र) स्थानों में उत्पन्न होते हैं।

ये जीव अपर्याप्त अवस्था में ही मर जाते हैं। इसलिए इनके पर्याप्त के भेद नहीं होते।

देवता के १९८ भेद

१० भवनपति, १५ परमाधामी, १६ व्यन्तर, १० त्रिजृम्भक, १० ज्योतिषी, ३ किल्विषिक, ९ लोकान्तिक, १२ देवलोक, ९ ग्रैवेयक, ५ अनुत्तर विमानकुल ९९ प्रकार के देवों के अपर्याप्त, पर्याप्त १९८।

अजीव के ५६० भेद

अरूपी अजीव के ३० भेद, रूपी अजीव के ५३० भेद।

अरूपी अजीव के ३० भेद

धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय—इन तीनों के स्कन्ध, देश, प्रदेश काल का भेद काल।

धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय और काल—इन चारों के द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव और गुण—ये पांच-पांच भेद करने से २० भेद होते हैं। इस प्रकार अरूपी अजीव के ३० भेद।

रूपी अजीव के ५३० भेद

रूपी अजीव के पांच वर्ण, दो गंध, पांच रस, आठ स्पर्श और पांच संस्थान के आधार पर भेद करने से 530 भेद होते हैं। जैसे

इन बीस भेदों से गुणा करने पर ५×२०=१०० भेद।

गन्ध दो हैं—सुगन्ध, दुर्गन्ध। प्रत्येक गंध को पांच वर्ण, पांच रस,

आठ स्पर्श और पांच संस्थानइन तेईस भेदों से गुणा करने पर २×२३=४६ भेद।

रस पांच हैं—तिक्त, कटु, कषाय, आम्ल, मधुर। प्रत्येक रस को पांच वर्ण, दो गन्ध, आठ स्पर्श और पांच संस्थान—इन बीस भेदों से गुणा करने पर ५×२०=१०० भेद।

स्पर्श आठ हैं—शीत, उष्ण, स्‍निग्ध, रूक्ष, कर्कश, मृदु, गुरु, लघु—प्रत्येक स्पर्श को पांच वर्ण, दो गन्ध, पांच रस, छह स्पर्श और पांच संस्थान—इन तेईस भेदों से गुणा करने पर ८×२३=१८४ भेद।

स्पर्श छह लेने का तात्पर्य है कि विरोधी स्पर्श नहीं पाता और एक स्वयं का छूट जाता है। संस्थान पांच हैं—परिमण्डल (चूड़ी का आकार) वृत्त (गोल), त्रिकोण, चतुष्कोण, आयत (लम्बा)। प्रत्येक संस्थान को पांच वर्ण, दो गन्ध, पांच रस, आठ स्पर्शइन बीस भेदों से गुणा करने पर ५×२०=१०० भेद।

१००+४६+१००+१८४+१००=५३०।

अरूपी अजीव के ३० और रूपी अजीव के ५३० कुल मिलाकर अजीव के ५६० भेद होते हैं।

♦

बाईसवां बोल : श्रावक के बारह व्रत

22

बाईसवां बोल : श्रावक के बारह व्रत

अहिंसा अणुव्रत, सत्य अणुव्रत, अचौर्य अणुव्रत, ब्रह्मचर्य अणुव्रत, अपरिग्रह अणुव्रत, दिग्व्रत, भोगोपभोग परिमाण व्रत, अनर्थदण्ड विरमण व्रत, सामायिक व्रत, देशावकाशिक व्रत, पौषधोपवास व्रत, अतिथिसंविभाग व्रत।

भगवान महावीर ने दो प्रकार के धर्म की प्ररूपणा की—श्रावक धर्म, साधु धर्म। जो यथाशक्ति अहिंसा आदि का आचरण करता है, अनावश्यक पाप कार्य सेवन से विरत होता है वह श्रावक कहलाता है। श्रावक के लिए बारह व्रत की साधना बतलाई गई है। बारह व्रतों की साधना करनेवाला श्रावक बारहव्रती श्रावक कहलाता है। बारह व्रतों में आठ व्रत जीवन भर के लिए स्वीकार किये जाते हैं। शेष चार व्रत कालावधि के साथ होते हैं।

अहिंसा अणुव्रत—श्रावक छोटे बड़े सब जीवों की हिंसा का सर्वथा त्याग नहीं कर सकता, पर कुछ अंशों में स्थूल हिंसा का त्याग कर सकता है। हिंसा के तीन प्रकार बताए गए हैं—आरम्भजा हिंसा, विरोधजा हिंसा, संकल्पजा हिंसा। जीवन निर्वाह के लिए की जानेवाली हिंसा आरम्भजा हिंसा है। परिवार, समाज या राष्ट्र की सुरक्षा के लिए की जानेवाली हिंसा विरोधजा हिंसा है। निरपराध प्राणियों को बिना प्रयोजन जानबूझ कर मारने का संकल्प करना संकल्पजा हिंसा है। श्रावक प्रथम दो हिंसा से सर्वथा नहीं बच सकता पर संकल्पजा हिंसा का त्याग करता है। यह अहिंसा अणुव्रत है।

सत्य अणुव्रत— श्रावक सूक्ष्म असत्य बोलने का त्याग करने में असमर्थ होता है पर बड़ा झूठ बोलने का त्याग कर सकता है। किसी निर्दोष प्राणी की हत्या हो ऐसा असत्य न बोलना, क्रय-विक्रय, जमीन जायदाद के विषय में असत्य न बोलना, किसी की अमानत रखकर मांगने पर इनकार नहीं करना, झूठी गवाही न देना, लड़के लड़कियों के विवाह के सम्बन्ध में असत्य न बोलना—आदि आदि का त्याग करना सत्य अणुव्रत है।

अचौर्य अणुव्रत— जिस चोरी से राज्य द्वारा दण्ड मिले, लोक निन्दा करे ऐसी चोरी न करना, डाका डालने, ताला तोड़ने, लूटपाट करने, किसी की वस्तु को चोरी की भावना से उठाने, तस्करी का व्यापार करने आदि का त्याग करना अचौर्य अणुव्रत है। चोरी करना निन्दनीय कार्य है। इससे दूर रहना श्रावक का ही नहीं, प्रत्येक सभ्य व्यक्ति का कर्तव्य है।

ब्रह्मचर्य अणुव्रत— श्रावक पूर्ण ब्रह्मचर्य की साधना न कर सके उस स्थिति में भोग (कामुकता) की सीमा कर सकता है। वेश्यागमन व परस्त्रीगमन का त्याग करना, अपनी स्त्री के साथ भी संभोग की मर्यादा करना, इसी प्रकार स्त्री के द्वारा पर पुरुष के साथ संभोग का त्याग और अपने पति के साथ संभोग की मर्यादा करना ब्रह्मचर्य अणुव्रत है।

अपरिग्रह अणुव्रत— श्रावक पूर्ण अपरिग्रही नहीं बन सकता पर असीमित इच्छाओं के विस्तार की सीमा कर सकता है। सोना, चांदी, हीरे-पन्ने, धन, धान्य, मकान आदि सब प्रकार के परिग्रह की मर्यादा करना अपरिग्रह अणुव्रत है। दुनियां में पदार्थों की सीमा नहीं है। मनुष्य ज्यों-ज्यों पदार्थों का संचय करता है, लालसा बढ़ती जाती है। भगवान महावीर ने कहा—इच्छाएं आकाश के समान अनन्त होती हैं। बढ़ती हुई लालसा को रोकने और संतोष वृत्ति का विकास करने की दृष्टि से अपरिग्रह अणुव्रत का बहुत महत्त्व है।

दिग्व्रत—सभी दिशाओं में गमनागमन करने, वस्तु भेजने, मंगाने आदि की सीमा करना और उस सीमा से बाहर व्यापार आदि करने का त्याग करनादिग्व्रत है। इससे अनावश्यक यातायात और पदार्थों के आयात-निर्यात की मर्यादा होती है।

भोगोपभोग परिमाण व्रत— रोटी, पानी आदि खाने-पीने के पदार्थ जो एक बार ही काम में आते हैं वे भोग कहलाते हैं। स्थान, वस्त्र, आभूषण, यान, वाहन आदि जो बार-बार काम में आते हैं वे उपभोग कहलाते हैं। श्रावक प्रतिदिन व्यक्तिगत रूप से काम में आनेवाले पदार्थों के भोगोपभोग की मर्यादा करता है। मर्यादा से अतिरिक्त पदार्थों के भोग का त्याग करता है।

भोगोपभोग परिमाण व्रत दो प्रकार से होता है—भोग से और कर्म से। भोग की अपेक्षा से व्रत का अर्थ हैभोगोपभोग की वस्तुओं की मर्यादा करना और कर्म की अपेक्षा व्रत का अर्थ है—व्यापार की मर्यादा करना। यद्यपि श्रावक को कुछ न कुछ व्यापार करना ही होता है पर उस प्रकार के व्यापार से बचे जिसमें अधिक हिंसा हो। शास्त्र में अधिक हिंसा वाले व्यापार को कर्मादान कहा है। कर्मादान अर्थात् जिनसे अधिक कर्मों का आगमन होता हो।

जैसे कोयले का व्यापार, पत्थर का व्यापार, हाथी दांत का व्यापार, रेशम का व्यापार आदि। श्रावक कर्मादान (व्यापार) का त्याग करे। यह भोगोपभोग परिमाण-व्रत है।

अनर्थदण्ड विरमण व्रत—बिना किसी प्रयोजन के की जानेवाली हिंसा से श्रावक को बचना चाहिए। जैसेचलते-फिरते पशु को पीट देना, चलते-चलते पौधों के फूल व पत्ते तोड़ लेना, अग्‍नि को जलाकर छोड़ देना, घी, तेल आदि के बर्तनों को खुला रखना, वनस्पति को कुचलते हुए चलना, अनावश्यक पानी गिराना, कीड़े-मकोड़ों की छेड़छाड़ करना, हिंसा के साधन जुटाना, अश्‍लील हरकतें करना आदि अनर्थ हिंसा में आते हैं। इनका त्याग करना अनर्थदण्ड विरमण व्रत है।

सामायिक व्रत—एक मुहूर्त (अड़तालीस मिनिट) के लिए सावद्य (सपाप) प्रवृत्ति न करने का संकल्प सामायिक व्रत है। सामायिक में श्रावक विशेष वेशभूषा में स्थित होकर धर्म्यध्यान में लीन रहता है।

देशावकाशिक व्रत— प्रतिदिन सभी दिशाओं में गमनागमन की क्षेत्र-सीमा करना तथा खाने-पीने आदि पदार्थों की मर्यादा करना देशावकाशिक व्रत है। छठे, सातवें व्रत में श्रावक जीवन भर के लिए मर्यादा करता है। दसवें व्रत में प्रतिदिन के क्रम में उस सीमा का और संक्षेपीकरण करता है। जैसेछठे व्रत में जीवन भर भारत से बाहर न जाने का व्रत लिया।

दसवें व्रत में एक दिन के लिए अपने ग्राम से बाहर न जाने का संकल्प करता है। इसी तरह सातवें व्रत में जीवन भर पच्चीस हरी सब्जी से अधिक न खाने का व्रत लिया। दसवें व्रत में एक दिन के लिए पांच हरी सब्जी से अधिक न खाने का संकल्प करता है यह देशावकाशिक व्रत है। यह व्रत दैनिक चर्या की विशुद्धि में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पौषधोपवास व्रत— चौविहार उपवास सहित शारीरिक साज-सज्जा को छोड़कर एक दिन-रात के लिए सावद्य प्रवृत्ति का त्याग करना पौषध व्रत है। यह व्रत चौविहार उपवास के बिना नहीं होता। तिविहार उपवास कर जो चार प्रहर या अधिक समय तक पौषध व्रत की आराधना की जाती है वह देशावकाशिक व्रत में आता है, पौषध व्रत में नहीं।

चतुष्प्रहरी पौषध—सूर्योदय से सूर्यास्त तक का अथवा सूर्यास्त से सूर्योदय तक का पौषध करने की भी परम्परा प्रचलित है।

यथासंविभाग व्रत— संयमी साधु को अपने हिस्से में से शुद्ध आहार, पानी, वस्त्र आदि का दान देना यथासंविभाग व्रत है। साधु को शुद्ध दान देने की भावना रखना प्रत्येक श्रावक का कर्तव्य है। साधु के निमित्त कोई वस्तु बनाना, अपने लिए बनाई हुई वस्तु में कुछ अधिक बना लेना, खरीद लेना आदि दोषपूर्ण प्रवृत्तियां हैं। श्रावक को इनसे बचना चाहिए।

ग्यारह व्रत तो श्रावक के लिए सहज हैं लेकिन बारहवें व्रत का लाभ मिलना कठिन होता है।

यह साधु और श्रावक दोनों का योग होने पर ही हो सकता है। चित्त, वित्त और पात्र—ये तीन शब्द ग्रन्थों में आते हैं। चित्त का अर्थ है—देनेवाले की भावना शुद्ध हो। वित्त का अर्थ है वस्तु शुद्ध हो। पात्र का अर्थ है—लेनेवाला शुद्ध पंच महाव्रतधारी हो। इन तीनों में एक भी अशुद्ध हो तो बारहवां व्रत निष्पन्न नहीं होता। तीनों अगर शुद्ध हों तो उत्कृष्ट निर्जरा और पुण्य बंध का हेतु बन सकता है।

♦

तेईसवां बोल : साधु के पांच महाव्रत

23

तेईसवां बोल : साधु के पांच महाव्रत

अहिंसा महाव्रत, सत्य महाव्रत, अचौर्य महाव्रत, ब्रह्मचर्य महाव्रत, अपरिग्रह महाव्रत।

बाईसवें बोल में श्रावक के बारह व्रतों की चर्चा है। श्रावक संसार की भूमिका में जीता हुआ पूर्णव्रती नहीं बन सकता। साधु सांसारिक भूमिका से ऊपर उठा हुआ होता है। वह अहिंसा आदि का पूर्ण पालन कर सकता है। तेईसवे बोल में साधु के पांच महाव्रतों की चर्चा है।

हिंसा, झूठ, चोरी, मैथुन, परिग्रहइन पांच पापमय प्रवृत्तियों को मन से, वचन से, शरीर से—न स्वयं करना, न दूसरों से करवाना, न करते हुए का अनुमोदन करना महाव्रत है।

अहिंसा महाव्रत—साधु सूक्ष्म-बादर, त्रस-स्थावर सभी प्रकार के जीवों की हिंसा का जीवन भर के लिए त्याग करता है। वह गृहस्थ को कहकर अपने लिए न भोजन बनवाता है, न बनाया हुआ भोजन लेता है, न स्वयं बनाता है। यह पहला अहिंसा महाव्रत है।

गृहस्थ स्वयं के लिए भोजन बनाता है। उसमें से अपनी इच्छा का अल्पीकरण कर शुद्ध भिक्षा साधु को देता है। वह साधु के लिए ग्राह्य होती है। साधु की भिक्षा को गोचरी कहा जाता है। जैसे, गाय घास चरती हुई एक बूंटे को जड़ से नहीं उखाड़ती। थोड़ा-थोड़ा चरती हुई आगे बढ़ती रहती है वैसे ही मुनि एक ही घर से पूरी भिक्षा नहीं लेता, अनेक घरों से भिक्षा लेता हुआ अपना काम चलाता है। भोजन की तरह पानी, वस्त्र आदि जो भी वस्तु गृहस्थ के उपयोग में आती है उसमें से कल्पनीय वस्तु यथेच्छ रूप से साधु ग्रहण कर सकता है।

सत्य महाव्रत—साधु के असत्य बोलने का सर्वथा त्याग होता है। असत्य बोलने के मुख्यत: चार कारण हैंक्रोध, लोभ, भय और हास्य। साधु धर्म रक्षा या प्राण रक्षा के लिए भी असत्य का सहारा नहीं ले सकता। वह ऐसा सत्य भी नहीं बोल सकता जिससे किसी प्राणी की हिंसा हो, कष्ट हो या किसी का मर्म प्रकट हो। यह साधु का दूसरा महाव्रत है।

अचौर्य महाव्रत— साधु के चोरी करने का सर्वथा त्याग होता है।

वह गांव, नगर, जंगल कहीं से भी किसी की कोई वस्तु बिना आज्ञा स्वीकार नहीं कर सकता। किसी के मकान में मालिक की आज्ञा के बिना नहीं ठहर सकता। साधु किसी को दीक्षा भी देता है तो माता-पिता या जो भी अभिभावक है उनकी आज्ञा से देता है। यह साधु का तीसरा महाव्रत है।

ब्रह्मचर्य महाव्रत— साधु पूर्ण ब्रह्मचारी होता है। वह स्त्री जाति (साध्वी के संबंध में पुरुष जाति) का स्पर्श नहीं कर सकता। यहां तक कि साधु के लिए स्त्री के साथ एक आसन पर बैठना भी वर्जित है, चाहे मां, बहिन, बेटी कोई भी क्यों न हो। यह साधु का चौथा महाव्रत है।

अपरिग्रह महाव्रत—साधु के सब प्रकार के परिग्रह का त्याग होता है। वह आवश्यक धर्मोपकरणों (पदार्थों) के सिवाय किसी भी वस्तु का संग्रह नहीं करता। यह साधु का पांचवां महाव्रत है।

प्रश्‍न हो सकता है कि साधु के धर्मोपकरण क्या परिग्रह नहीं है?

जिन पदार्थों का ग्रहण ममत्व बुद्धि से किया जाता है वह परिग्रह कहलाता है। साधु संयम-जीवन निर्वाह के लिए आवश्यक वस्त्र-पात्र, पुस्तकें आदि पदार्थों का ग्रहण करता है। उन पर ममत्व नहीं करता। ये पदार्थ परिग्रह नहीं, संयम जीवन में सहायक हैं। भगवान महावीर ने कहा है'मुच्छा परिग्गहो' मूर्च्छा परिग्रह है। पदार्थ परिग्रह नहीं है। साधु वस्त्र, पात्र आदि न तो लोभ से ग्रहण करता है, न उन पर ममत्व रखता है और न संग्रह करता है।

अत: उसके धर्मोपकरण परिग्रह नहीं हैं।

♦

चौबीसवां बोल : भांगा उनचास

24

चौबीसवां बोल : भांगा उनचास

तीन करण और तीन योग से उनचास भांगे बनते हैं।

तीन करणकरूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं।

तीन योगमन, वचन, काया।

अंक ११ का भांगा ९

पहले अंक '१' का अर्थ है, एक करण और दूसरे अंक '१' का अर्थ है एक योग। अर्थात् एक करण और एक योग से ९ भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) 1. करूं नहीं—मन से।

2. करूं नहीं—वचन से।

3. करूं नहीं—काया से।

(ख) 4. कराऊं नहीं—मन से।

5. कराऊं नहीं—वचन से।

6. कराऊं नहीं—काया से।

(ग) 7. अनुमोदूं नहीं—मन से।

8. अनुमोदूं नहीं—वचन से।

9. अनुमोदूं नहीं—काया से।

अंक १२ का भांगा ९

पहले अंक '१' का अर्थ है, एक करण और दूसरे अंक '२' का अर्थ है, दो योग। अर्थात् एक करण और दो योग से २ भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) 1. करूं नहीं—मन से, वचन से।

(क) 1. करूं नहीं—मन से, वचन से।

3. करूं नहीं—वचन से, काया से।

(ख) 4. कराऊं नहीं—मन से, वचन से।

5. कराऊं नहीं—मन से, काया से।

6. कराऊं नहीं—वचन से, काया से।

(ग) 7. अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से।

8. अनुमोदूं नहीं—मन से, काया से।

9. अनुमोदूं नहीं—वचन से, काया से।

अंक 13 का भांगा 3

पहले अंक '१' का अर्थ है, एक करण और दूसरे अंक '३' का अर्थ है तीन योग। अर्थात् एक करण और तीन योग से 3 भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) करूं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

(ख) कराऊं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

(ग) अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

अंक २१ का भांगा ९

पहले अंक '२' का अर्थ है, दो करण और दूसरे अंक '१' का अर्थ है एक योग। अर्थात् दो करण और एक योग से ९ भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) 1. करूं नहीं, कराऊं नहीं—मन से।

2. करूं नहीं, कराऊं नहीं—वचन से।

3. करूं नहीं, कराऊं नहीं—काया से।

(ख) 4. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से।

5. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से।

6. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—काया से।

(ग) 7. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से।

8. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से।

9. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—काया से।

अंक २२ का भांगा ९

पहले अंक '२' का अर्थ है, दो करण और दूसरे अंक '२' का अर्थ है दो योग। अर्थात् दो करण और दो योग से ९ भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) 1. करूं नहीं, कराऊं नहीं—मन से, वचन से।

2. करूं नहीं, कराऊं नहीं—मन से, काया से।

3. करूं नहीं, कराऊं नहीं—वचन से, काया से।

(ख) 4. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से।

5. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, काया से।

6. करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से, काया से।

(ग) 7. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से।

8. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, काया से।

9. कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से, काया से।

अंक २३ का भांगा ३

पहले अंक '२' का अर्थ है, दो करण और दूसरे अंक '३' का अर्थ है तीन योग। अर्थात् दो करण और तीन योग से ३ भांगे हो सकते हैं। जैसे

(क) करूं नहीं, कराऊं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

(ख) करूं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

(ग) कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

अंक ३१ का भांगा ३

पहले अंक '३' का अर्थ है, तीन करण और दूसरे अंक '१' का अर्थ है एक योग। अर्थात् तीन करण और एक योग से 3 भांगे हो सकते हैं। जैसे—

(क) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से।

(ख) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से।

(ग) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—काया से।

अंक ३२ का भांगा ३

पहले अंक '३' का अर्थ है, तीन करण और दूसरे अंक '२' का अर्थ है दो योग। अर्थात् तीन करण और दो योग से ३ भांगे हो सकते हैं। जैसे—

(क) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से।

(ख) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, काया से।

(ग) करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—वचन से, काया से।

अंक ३३ का भांगा १

पहले अंक '३' का अर्थ है, तीन करण और दूसरे अंक '३' का अर्थ है तीन योग। अर्थात् तीन करण और तीन योग से केवल एक ही भांगा हो सकता है। जैसे—

1. करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं—मन से, वचन से, काया से।

चौबीसवें बोल का आधार हैत्याग। व्यक्ति में जब संयम की चेतना जागती है तब वह त्याग में प्रवृत्त होता है। सब व्यक्ति हिंसा आदि को पूर्ण रूप से नहीं छोड़ सकते। अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार त्याग करते हैं। त्याग करण और योग से किये जाते हैं।

करण तीन हैं—करूं नहीं, कराऊं नहीं, अनुमोदूं नहीं। अर्थात् स्वयं हिंसा आदि न करना, दूसरों को कहकर नहीं करवाना और करने वाले को अच्छा नहीं समझना।

योग तीन हैं—मन, वचन, काया।

हिंसा आदि करने का मन में चिन्तन न करना, किसी को करने के लिए वचन से प्रेरित न करना और करनेवाले के साथ सहमति व्यक्त न करना।

तीन करण को तीन योग से गुणित करने पर ३×३=९ विकल्प होते हैं। यह नौ की संख्या नौ कोटि कहलाती है। कोटि अर्थात् प्रकार। इस नौ कोटि से उनचास भांगे बनते हैं।

करना, कराना, अनुमोदन करना—व्यवहार में तीन लगते हैं, पर निश्‍चय में तीनों एक ही श्रेणी में आते हैं। हिंसा करनेवाला भी हिंसक है, करानेवाला भी हिंसक है और हिंसा का समर्थन करने वाला भी हिंसक है। आचार्य भिक्षु के शब्दों में 'तीनूं करण सारिखा' अर्थात् तीनों करण समान हैं। मन से हिंसा करनेवाला भी हिंसक है। वचन से हिंसा करने वाला भी हिंसक है और काया से हिंसा करनेवाला भी हिंसक है।

साधु पूर्णव्रती होता है। उसके त्याग तीन करण, तीन योग से होते हैं। अत: सभी भंग रुक जाते हैं। श्रावक के त्याग यथाशक्ति होते हैं। वह कोई त्याग एक करण एक योग से करता है। कोई त्याग अधिक करण योग से भी कर सकता है। जितनी कोटि से त्याग किये जाते हैं, उतने ही भंग रुकते हैं।

एक कोटि के त्याग से एक, दो कोटि त्याग से तीन, तीन कोटि त्याग से सात, चार कोटि त्याग से नौ, पांच कोटि त्याग से तेरह, छह कोटि त्याग से इक्कीस, सात कोटि त्याग से पच्चीस, आठ कोटि त्याग से तेतीस और नव कोटि त्याग से उनचास भंग रुक जाते हैं।

कुछ व्यक्ति त्याग करने से डरते हैं। उन्हें यह भय रहता है कि त्याग टूट जाएं तो दुगुना पाप लगेगा। यह भय उचित नहीं है। क्या अजीर्ण के भय से व्यक्ति भोजन करना छोड़ता है? क्या छत गिरने के भय से मकान बनाना छोड़ता है? नहीं। ठीक इसी तरह व्यक्ति को त्याग का महत्त्व समझ कर यथा शक्ति त्याग करने के प्रति जागरूक रहना चाहिए। प्रमादवश कभी त्याग भंग हो जाए तो प्रायश्‍चित्त लेकर शुद्धि की जा सकती है।

त्याग एक प्रहरी के समान है। पहरेदार द्वार पर रहता है तो कोई गलत व्यक्ति या जानवर घर में प्रवेश नहीं कर सकता। वैसे ही त्याग कर लेने पर व्यक्ति की चेतना जल्दी से अकरणीय के प्रति नहीं झुकती।

♦

पच्चीसवां बोल : चारित्र पांच

25

पच्चीसवां बोल : चारित्र पांच

सामायिक चारित्र, छेदोपस्थापनीय चारित्र, परिहारविशुद्धि चारित्र, सूक्ष्मसंपराय चारित्र, यथाख्यात चारित्र।

चारित्र—आत्मा को अशुभ प्रवृत्ति से हटाकर शुभ प्रवृत्ति में स्थित करने का प्रयत्‍न चारित्र है।

पांचों ही चारित्र साधु में पाये जाते हैं। ये साधुत्व की भिन्न भिन्न अवस्थाएं हैं। सभी चारित्र का प्रारम्भ सामायिक चारित्र से होता है। क्रमश: शुद्धि का विकास होते हुए अन्त में वीतराग चारित्र की प्राप्ति होती है।

सामायिक चारित्र—जिसमें सर्व सावद्य योग का तीन करण, तीन योग से त्याग होता है वह सामायिक चारित्र है। श्रावक भी सामायिक करता है पर वह सामायिक चारित्र नहीं कहलाता। क्योंकि उसके सर्व सावद्य योग के त्याग नहीं हो सकते।

छेदोपस्थापनीय चारित्र— छेद का अर्थ है विभाग या भेद। सामायिक चारित्र में जो सामान्य रूप से सावद्य योग का त्याग किया गया है, उसका विस्तारपूर्वक प्रत्याख्यान छेदोपस्थापनीय चारित्र है।

सामायिक चारित्र दीक्षा लेते समय स्वीकार किया जाता है। उसके सात दिन या चार मास या छह मास के बाद छेदोपस्थापनीय चारित्र स्वीकार किया जाता है। इसे बड़ी दीक्षा भी कहते हैं।

छेद का अर्थ छेदन करना भी है। प्रथम ली हुई दीक्षा में दोष लग जाने पर उसका छेदन कर नये सिरे से पुन: दीक्षा ली जाती है। वह भी छेदोपस्थापनीय चारित्र है। सामायिक चारित्र तो एक बार ही आता है। छेदोपस्थापनीय चारित्र दोष का सेवन होने पर अनेक बार भी आ सकता है।

सामायिक और छेदोपस्थापनीय चारित्र छठे से नौंवे गुणस्थान तक होते हैं।

परिहारविशुद्धि चारित्र— परिहार एक तप विशेष का नाम है। विशेष साधना की दृष्टि से यह तप स्वीकार किया जाता है। इस तप की प्रक्रिया इस प्रकार हैनौ मुनि मिलकर अठारह महीनों तक इस तप की आराधना करते हैं। पहले छह महीनों में चार साधु तप करते हैं। चार साधु उनकी सेवा करते हैं। एक साधु को आचार्य चुना जाता है। दूसरे छह महीनों में सेवा करनेवाले चार साधु तप करते हैं और तप करनेवाले सेवा करते हैं। आचार्य वही रहता है। तीसरे छह महीनों में आचार्य पद धारण करने वाला तप करता है। शेष आठ में से एक को आचार्य पद पर नियुक्त किया जाता है। सात साधु सेवा करते हैं।

तप की विधि

तप करने वाले साधु ग्रीष्म काल में जघन्य उपवास, मध्यम बेला, उत्कृष्ट तेला करते हैं। शीतकाल में जघन्य बेला, मध्यम तेला, उत्कृष्ट चोला करते हैं। चातुर्मास काल में जघन्य तेला, मध्यम चोला, उत्कृष्ट पंचोला करते हैं। पारणे में आयंबिल करना होता है। सेवार्थी और आचार्य के लिए तपस्या अनिवार्य नहीं पर उन्हें प्रतिदिन आयंबिल तो करना ही होता है।

तप करनेवाले मुनि पारिहारिक, सेवा करनेवाले अनुपारिहारिक और आचार्य कल्पस्थित कहलाते हैं।

परिहारविशुद्धि चारित्र सातवें और छठे गुणस्थान में होता है। परिहार तप पूर्ण हो जाने के बाद कोई पुन: पुन: इसे प्रारंभ करते रहते हैं। कोई पुन: संघ में आ जाते हैं। कोई जिनकल्प (विशेष प्रकार की साधना) स्वीकार कर लेते हैं।

सूक्ष्मसंपराय चारित्र—संपराय का अर्थ है कषाय।

जिस चारित्र में संज्वलन कषाय (लोभ) का अंश बाकी रहता है उस कषाय का नाम सूक्ष्मसंपराय चारित्र है।

यह चारित्र दो प्रकार का होता है—संक्लिश्यमान, विशुद्ध्यमान। उपशम श्रेणी या क्षपक श्रेणी पर चढ़ने वाले साधु उत्तरोत्तर विशुद्ध परिणाम वाले होते हैं। उनका चारित्र विशुद्ध्यमान सूक्ष्मसंपराय चारित्र है। उपशम श्रेणी से गिरते हुए साधु के परिणाम संक्लिश्यमान होते हैं।

उसका चारित्र संक्लिश्यमान सूक्ष्मसंपराय चारित्र है। सूक्ष्मसंपराय चारित्र दसवें गुणस्थान में होता है।

यथाख्यात चारित्र—जिस अवस्था में मोहकर्म सर्वथा उपशान्त या क्षीण हो जाता है उसे यथाख्यात चारित्र कहते हैं। यह चारित्र सर्वथा निरतिचार निर्दोष होता है। इसे वीतराग चारित्र भी कहा जाता है। यथाख्यात चारित्र चार गुणस्थानों में होता हैग्यारहवें से चौदहवें तक।

ग्यारहवां गुणस्थान उपशम वीतरागी का है। उपशम वीतरागी उस भव में मोक्ष नहीं जा सकते। बारहवां, तेरहवां और चौदहवां गुणस्थान क्षीण वीतरागी का है। क्षीण वीतरागी उसी भव में मुक्त होते हैं।

पांच चारित्र के सम्बन्ध में यह ज्ञातव्य है कि छेदोपस्थापनीय चारित्र और परिहारविशुद्धि चारित्र प्रथम और अन्तिम तीर्थंकर के शासन में ही होता है। मध्यवर्ती बाईस तीर्थंकरों के शासन में एवं महाविदेह में तीन चारित्र ही होते हैं।

♦

027_backmatter

जैन विद्या का प्रवेश द्वार पच्चीस बोल

साध्वी जिनप्रभा

For any Feedback/Comments/Queries:

Please write to books@jvbharati.org