Sambodhi App Sambodhi App         +91-8742004849     books@jvbharati.org

उत्तरज्झयणाणि

वाचपा-प्रमुख : आचार्य तुलसी (संपादक : विवेचक : आचार्य महाप्रज्ञ)

कवर पृष्‍ठ

cover

शीर्षक पेज

उत्तरज्झयणाणि

वाचपा-प्रमुख : आचार्य तुलसी

संपादक : विवेचक : आचार्य महाप्रज्ञ

© जैन विश्‍‍व भारती, लाडनूं

https://books.jvbharati.org

समर्पण

समर्पण

।।१।।

पुट्ठो वि पण्णा-पुरिसो सुदक्खो,

आणा-पहाणो जणि जस्स निच्चं।

सच्चप्पओगे पवरासयस्स,

भिक्खुस्स तस्स प्पणिहाणपुव्वं।।

जिसका प्रज्ञा-पुरुष पुष्ट पटु,

होकर भी आगम-प्रधान था।

सत्य-योग में प्रवर चित्त था,

उसी भिक्षु को विमल भाव से।।

।।२।।

विलोडियं आगमदुद्धमेव,

लद्धं सुलद्धं णवणीयमच्छं।

सज्झाय-सज्झाणरयस्स निच्चं,

जयस्स तस्स प्पणिहाणपुव्वं।।

जिसने आगम-दोहन कर-कर,

पाया प्रवर प्रचुर नवनीत।

श्रुत-सद्ध्यान लीन चिर चिंतन,

जयाचार्य को विमल भाव से।।

।।३।।

पवाहिया जेण सुयस्स धारा,

गणे समत्थे मम माणसे वि।

जो हेउभूओ स्स पवायणस्स,

कालुस्स तस्स प्पणिहाणपुव्वं।।

जिसने श्रुत की धार बहाई,

सकल संघ में मेरे मन में।

हेतुभूत श्रुत-सम्पादन में,

कालुगणी को विमल भाव से।।

विनयावनत

आचार्य तुलसी

♦

अन्तस्तोष

अन्तस्तोष

अन्तस्तोष अनिर्वचनीय होता है, उस माली का जो अपने हाथों से उप्त और सिंचित द्रुम-निकुञ्ज को पल्लवित, पुष्पित और फलित हुआ देखता है, उस कलाकार का जो अपनी तूलिका से निराकार को साकार हुआ देखता है और उस कल्पनाकार का जो अपनी कल्पना को अपने प्रयत्‍नों से प्राणवान् बना देखता है। चिरकाल से मेरा मन इस कल्पना से भरा था कि जैन-आगमों का शोध-पूर्ण सम्पादन हो और मेरे जीवन के बहुश्रमी क्षण उसमें लगें। संकल्प फलवान् बना और वैसा ही हुआ। मुझे केन्द्र मान मेरा धर्म-परिवार उस कार्य में संलग्‍न हो गया। अत: मेरे इस अन्तस्तोष में मैं उन सबको समभागी बनाना चाहता हूं, जो इस प्रवृत्ति में संविभागी रहे हैं। संक्षेप में वह संविभाग इस प्रकार है—

संपादक : विवेचक : युवाचार्य महाप्रज्ञ (आचार्य महाप्रज्ञ)

सहयोगी : मुनि दुलहराज

संस्कृत छाया : सहयोगी : मुनि सुमेरमल 'लाडनूं',

सहयोगी : मुनि श्रीचन्द 'कमल'

संविभाग हमारा धर्म है। जिन-जिनने इस गुरुतर प्रवृत्ति में उन्मुक्त भाव से अपना संविभाग समर्पित किया है, उन सबको मैं आशीर्वाद देता हूं और कामना करता हूं कि उनका भविष्य इस महान् कार्य का भविष्य बने।

आचार्य तुलसी

♦

प्रकाशकीय (प्रथम संस्करण)

प्रकाशकीय (प्रथम संस्करण)

वाचना प्रमुख आचार्य श्री तुलसी एवं उनके इंगित और आकार पर सब कुछ न्यौछावर कर देने वाले मुनि-वृन्द की यह समवेत कृति आगमिक कार्य-क्षेत्र में युगान्तकारी है। इस कथन में अतिश्योक्ति नहीं, पर सत्य है। बहुमुखी प्रवृत्तियों के केन्द्र प्राणपुंज आचार्य श्री तुलसी ज्ञान-क्षितिज के एक महान् तेजस्वी रवि हैं उनका मण्डल भी शुभ्र नक्षत्रों का तपोपुञ्ज है। यह इस अत्यन्त श्रम-साध्य कृति से स्वयं फलीभूत है।

गुरुदेव के चरणों में मेरा विनम्र सुझाव रहा—आपके तत्त्वावधान में आगमों का सम्पादन और अनुवाद हो—यह भारत के सांस्कृतिक अभ्युदय की एक मूल्यवान् कड़ी के रूप में चिर-अपेक्षित है। यह अत्यन्त स्थायी कार्य होगा, जिसका लाभ एक-दो-तीन नहीं अपितु अचिन्त्य भावी पीढ़ियों को प्राप्त होता रहेगा। मुझे इस बात का अत्यन्त हर्ष है कि मेरी मनोभावना अंकुरित ही नहीं, पर फलवती और रसवती भी हुई है।

प्रस्तुत 'उत्तरज्झयणाणि' आगम-अनुसंधान ग्रन्थमाला का द्वितीय ग्रन्थ है। इससे पूर्व प्रकाशित 'दसवेआलियं' (मूल पाठ, संस्कृत छाया, हिन्दी अनुवाद एवं टिप्पण युक्त) को अब अनुसन्धान ग्रन्थमाला का प्रथम ग्रन्थ समझना चाहिए।

'दसवेआलियं' एक जिल्द में प्रकाशित है। उसमें टिप्पण प्रत्येक अध्ययन के बाद में है। 'उत्तरज्झयणाणि' में टिप्पणों की अलग जिल्द द्वितीय भाग के रूप में प्रकाशित है।

'दसवेआलियं' में पाठान्तर नहीं दिये गये थे। 'उत्तरज्झयणाणि' में पाठान्तर दे दिये गये हैं।

'दसवेआलियं' की तरह ही 'उत्तरज्झयणाणि' में भी प्रत्येक अध्ययन के आरम्भ में पांडित्यपूर्ण आमुख दे दिया है, जिससे अध्ययन के विषय का सांगोपाङ्ग आभास हो जाता है। प्रत्येक आमुख एक अध्ययनपूर्ण निबन्ध-सा है। परिशिष्ट में आमुखों में प्रयुक्त ग्रन्थ-सूचि दे दी गई है, जिससे आमुखों को लिखने में जो परिश्रम उठाया गया है, उसका सहज ही आभास हो जाता है। चारों चरणों का पदानुक्रम भी दे दिया गया है। आरम्भ में अध्ययन-अनुक्रमणिका के साथ-साथ अध्ययन विषयानुक्रम भी दे दिया गया है, जिससे प्रत्येक श्‍लोक का विषय जाना जा सकता है।

द्वितीय भाग में टिप्पण हैं। टिप्पणों के प्रस्तुत करने में चूर्णि, टिकाएं आदि के उपयोग के साथ-साथ अनेक महत्त्वपूर्ण ग्रन्थों को भी सहारा लिया गया है, जिनकी सूची द्वितीय भाग में अन्त में दे दी गई है। प्रथम परिशिष्ट में शब्द-विमर्श और द्वितीय परिशिष्ट में पाठान्तर-विमर्श समाहित हैं। इस तरह टिप्पण भाग अपूर्व अध्ययन के साथ पाठकों के सामने उपस्थित हो रहा है। प्रयुक्त ग्रन्थों के सन्दर्भ सहित उद्धरण पाद-टिप्पणियों में दे दिये गये है, जिससे जिज्ञासु पाठक की तृप्ति हाथों हाथ हो जाती है और उसे संदर्भ देखने के लिए इधर-उधर दौड़ना नहीं पड़ता।

तेरापंथ के आचार्यों के बारे में यह कहा जाता है कि उन्होंने प्राचीन चूर्णि, टीका आदि ग्रन्थों का बहिष्कार कर दिया। वास्तव में इसके पीछे तथ्य नहीं था। सत्य जहां भी हो वह आदरणीय है, यही तेरापंथ के आचार्यों की दृष्टि रही। चतुर्थ आचार्य जयाचार्य ने पुरानी टीकाओं का कितना उपयोग किया था, यह उनकी भगवती जोड़ आदि रचनाओं से प्रकट है। 'दसवेआलियं' तथा 'उत्तरज्झयणाणि' तो इस बात के प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि निर्युक्ति, भाष्य, चूर्णि, टीकाओं आदि का जितना उपयोग प्रथम बार वाचना प्रमुख आचार्य श्री तुलसी एवं उनके चरणों में सम्पादन-कार्य में लगे हुए निकाय सचिव मुनिश्री नथमलजी तथा उनके सहयोगी साधुओं ने किया है, उतना किसी भी अद्यावधि प्रकाशित सानुवाद संस्करण में नहीं हुआ है। सारा अनुवाद एवं लेखन-कार्य अभिनव कल्पना को लिए हुए है। मौलिक चिन्तन भी उनमें कम नहीं है। बहुश्रुतता एवं गंभीर अन्वेषण प्रति पृष्ठ से झलकते हैं। हम आशा करते हैं कि पाठकों को दो भागों में प्रकाशित होने वाला यह ग्रन्थ अनेक नई सामग्री प्रदान करेगा और वे इसे बड़े ही आदर के साथ अपनायेंगे।

पाण्डुलिपि की प्रतिलिपि

आचार्य श्री के तत्त्वावधान में सन्तों द्वारा प्रस्तुत पाण्डुलिपि को नियमानुसार अवधार कर उसकी प्रतिलिपि करने का कार्य आदर्श साहित्य संघ, (चूरू) द्वारा सम्पन्न हुआ है, जिसके लिए हम संघ के संचालकों के प्रति कृतज्ञ हैं।

अर्थ-व्यवस्था

इस ग्रन्थ के प्रकाशन का व्यय विराटनगर (नेपाल) निवासी श्री रामलालजी हंसराजजी गोलछा द्वारा श्री हंसराजजी हुलासचन्दजी गोलछा की स्वर्गीया माता श्री धापीदेवी (धर्मपत्‍नी श्री रामलालजी गोलछा) की स्मृति में प्रदत्त निधि से हुआ है। एतदर्थ इस अनुकरणीय अनुदान के लिए गोलछा-परिवार हार्दिक धन्यवाद का पात्र है।

आगम-साहित्य प्रकाशन समिति की ओर से उक्त निधि से होने वाले प्रकाशन-कार्य की देख-रेख के लिए निम्‍न सज्जनों की एक उपसमिति गठित की गई है:—

१—श्रीमान् हुलासचन्दजी गोलछा

२—श्रीमान् मोहनलालजी बांठिया

३—श्रीमान् श्रीचन्द रामपुरिया

४—श्रीमान् गोपीचन्दजी चौपड़ा

५—श्रीमान् केवलचन्दजी नाहटा

सर्व श्री श्रीचन्द रामपुरिया एवं केवलचन्दजी नाहटा उक्त समिति के संयोजक चुने गये हैं।

आगम-साहित्य प्रकाशन-कार्य

महासभा के अन्तर्गत आगम-साहित्य प्रकाशन समिति का प्रकाशन-कार्य ज्यों-ज्यों आगे बढ़ रहा है, त्यों-त्यों हृदय में आनन्द का पारावार नहीं। मैं तो अपने जीवन की एक साध ही पूरी होते देख रहा हूं। इस अवसर पर मैं अपने अनन्य बन्धु और साथी सर्व श्री गोविन्दरामजी सरावगी, मोहनलालजी बांठिया एवं खेमचन्दजी सेठिया को उनकी मुक्त सेवाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं।

आभार

आचार्य श्री की सुदीर्घ दृष्टि अत्यन्त भेदिनी है। जहां एक ओर जन-मानस को आध्यात्मिक और नैतिक चेतना की जागृति के व्यापक आंदोलनों में उनके अमूल्य जीवन-क्षण लग रहे हैं वहीं दूसरी ओर आगम-साहित्य-गत जैन-संस्कृति के मूल सन्देश को जन-व्यापी बनाने का उनका उपक्रम भी अनन्य और स्तुत्य है। जैन-आगमों को अभिलषित रूप में भारतीय एवं विदेशी विद्वानों के सम्मुख ला देने की आकांक्षा में वाचना प्रमुख के रूप में आचार्य श्री तुलसी ने जो अथक परिश्रम अपने कन्धों पर लिया है, उसके लिए जैन ही नहीं अपितु सारी भारतीय जनता उनके प्रति कृतज्ञ रहेगी।

निकाय सचिव मुनि श्री नथमलजी का सम्पादन-कार्य एवं तेरापंथ-संघ के अन्य विद्वान् मुनि-वृन्द के सक्रिय सहयोग भी वस्तुत: अभिनन्दनीय है।

हम आचार्य श्री और उनके साधु-परिवार के प्रति इस जन-हितकारी पवित्र प्रवृत्ति के लिए नतमस्तक हैं।

श्रीचन्द रामपुरिया

जैन श्‍वेताम्बर तेरापंथी महासभासंयोजक

३, पोर्चुगीज चर्च स्ट्रीट, कलकत्ता-१आगम-साहित्य प्रकाशन समिति

♦

प्रकाशकीय (द्वितीय संस्करण)

प्रकाशकीय (द्वितीय संस्करण)

वाचना प्रमुख आचार्य श्री तुलसी एवं उनके इंगित और आकार पर सब कुछ न्यौछावर कर देने वाले मुनि-वृन्द की यह समवेत कृति आगमिक कार्य-क्षेत्र में युगान्तकारी है। इस कथन में अतिश्योक्ति नहीं, पर सत्य है। बहुमुखी प्रवृत्तियों के केन्द्र प्राणपुंज आचार्य श्री तुलसी ज्ञान-क्षितिज के एक महान् तेजस्वी रवि हैं उनका मण्डल भी शुभ्र नक्षत्रों का तपोपुञ्ज है। यह इस अत्यन्त श्रम-साध्य कृति से स्वयं फलीभूत है।

गुरुदेव के चरणों में मेरा विनम्र सुझाव रहा—आपके तत्त्वावधान में आगमों का सम्पादन और अनुवाद हो—यह भारत के सांस्कृतिक अभ्युदय की एक मूल्यवान् कड़ी के रूप में चिर-अपेक्षित है। यह अत्यन्त स्थायी कार्य होगा, जिसका लाभ एक-दो-तीन नहीं अपितु अनेक भावी पीढ़ियों को प्राप्त होता रहेगा। मुझे इस बात का अत्यन्त हर्ष है कि मेरी मनोभावना अंकुरित ही नहीं, पर फलवती और रसवती भी हुई है।

'दसवेआलियं' की तरह ही 'उत्तरज्झयणाणि' में भी प्रत्येक अध्ययन के आरम्भ में पांडित्यपूर्ण आमुख दे दिया है, जिससे अध्ययन के विषय का सांगोपाङ्ग आभास हो जाता है। प्रत्येक आमुख एक अध्ययनपूर्ण निबन्ध-सा है। प्रत्येक अध्ययन के अन्त में तद् अध्ययन गत विशेष शब्दों तथा विषयों पर तुलनात्मक विमर्श प्रस्तुत किया गया है। प्रयत्‍न यह किया गया है कि कोई भी शब्द या विषय विमर्श शून्य न रहे। टिप्पण गत विमर्श के संदर्भ भी सप्रमाण नीचे दे दिए गए हैं।

तेरापंथ के आचार्यों के बारे में यह कहा जाता है कि उन्होंने प्राचीन चूर्णि, टीका आदि ग्रन्थों का बहिष्कार कर दिया। वास्तव में इसके पीछे तथ्य नहीं था। सत्य जहां भी हो वह आदरणीय है, यही तेरापंथ के आचार्यों की दृष्टि रही है। चतुर्थ आचार्य जयाचार्य ने पुरानी टीकाओं का कितना उपयोग किया था, यह उनकी भगवती जोड़ आदि रचनाओं से प्रकट है। 'दसवेआलियं' तथा 'उत्तरज्झयणाणि' तो इस बात के प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि निर्युक्ति, भाष्य, चूर्णि, टीकाओं आदि का जितना उपयोग प्रथम बार वाचना प्रमुख आचार्य श्री तुलसी एवं उनके चरणों में सम्पादन-कार्य में लगे हुए युवाचार्य महाप्रज्ञ तथा उनके सहयोगी साधुओं ने किया है, उतना किसी भी अद्यावधि प्रकाशित सानुवाद संस्करण में नहीं हुआ है। सारा अनुवाद एवं लेखन-कार्य अभिनव कल्पना को लिए हुए है। मौलिक चिन्तन भी उनमें कम नहीं है। बहुश्रुतता एवं गंभीर अन्वेषण प्रति पृष्ठ से झलकते हैं। हम आशा करते हैं कि दो भागों में प्रकाशित होने वाला यह ग्रन्थ प्रस्तुत आगम ग्रन्थ पाठकों को नई सामग्री प्रदान करेगा और वे इसे बड़े ही आदर के साथ अपनायेंगे।

आभार

आचार्य श्री की सुदीर्घ दृष्टि अत्यन्त भेदिनी है। जहां एक ओर जन-मानस को आध्यात्मिक और नैतिक चेतना की जागृति के व्यापक आंदोलनों में उनके अमूल्य जीवन-क्षण लग रहे हैं वहीं दूसरी ओर आगम-साहित्य-गत जैन-संस्कृति के मूल सन्देश को जन-व्यापी बनाने का उनका उपक्रम भी अनन्य और स्तुत्य है। जैन-आगमों को अभिलषित रूप में भारतीय एवं विदेशी विद्वानों के सम्मुख ला देने की आकांक्षा में वाचना प्रमुख के रूप में आचार्य श्री तुलसी ने जो अथक परिश्रम अपने कन्धों पर लिया है, उसके लिए जैन ही नहीं अपितु सारी भारतीय जनता उनके प्रति कृतज्ञ रहेगी।

युवाचार्य महाप्रज्ञ जी का सम्पादन और विवेचन कार्य एवं तेरापंथ-संघ के अन्य विद्वान् मुनि-वृन्द का सक्रिय सहयोग भी वस्तुत: अभिनन्दनीय है।

हम आचार्य श्री और उनके साधु-परिवार के प्रति इस जन-हितकारी पवित्र प्रवृत्ति के लिए नतमस्तक हैं।

श्रीचन्द रामपुरिया

दीपावली १९९२कुलाधिपति

लाडनूंजैन विश्‍वभारती संस्थान

♦

प्रकाशकीय (षष्ठ संस्करण)

प्रकाशकीय (षष्ठ संस्करण)

गणाधिपति पूज्य गुरुदेवश्री तुलसी के वाचनाप्रमुखत्व में जैनागम-वाङ्मय का गुरुतर कार्य वि. सं. 2012 सन् 1955 में प्रारंभ हुआ था।

मुनिश्री नथमलजी (आचार्यश्री महाप्रज्ञ) उस समय इस कार्य के प्रधान सम्पादक रहे। हम दोनों महापुरुषों के प्रति अत्यंत कृतज्ञ हैं।

वर्तमान में तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम अधिशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी समस्त आगम-कार्य के प्रधान संपादक और नियंता हैं। आप लम्बे समय से आगम-कार्य से सघनता से जुड़े हुए हैं। उत्तरज्झयणाणि में आपकी सूक्ष्म मनीषा का अनिर्वचनीय योग प्राप्त हुआ है। हम आचार्यश्री महाश्रमणजी के प्रति अत्यंत कृतज्ञ भाव से श्रद्धाप्रणत हैं।

युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में मुनिश्री मननकुमारजी ने इस षष्ठ संस्करण को समग्रता से संशोधित करने में अपने समय और श्रम का निष्ठापूर्वक नियोजन किया है। इसके तहत उत्तरज्झयणाणि के मूलपाठ तथा अनुवाद और टिप्पणों में अपेक्षानुसार कहीं-कहीं यत्किंचित् संशोधन और परिवर्तन भी हुआ है।

मुनिश्री देवार्यकुमारजी का भी संशोधन कार्य में कुछ श्रम लगा है।

हम मुनिद्वय के प्रति हृदय से आभारी हैं।

हमें पूर्ण विश्‍वास है कि यह नया संस्करण अनुसंधित्सु एवं जिज्ञासु विद्वानों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

टी. अमरचन्द लुंकड़

अध्यक्ष, जैन विश्‍व भारती

♦

संपादकीय

संपादकीय

प्राचीन साहित्य का संपादन

सम्पादन का कार्य सरल नहीं है—यह उन्हें सुविदित है, जिन्होंने इस दिशा में कोई प्रयत्‍न किया है। दो-ढाई हजार वर्ष पुराने ग्रन्थों के सम्पादन का कार्य और भी जटिल है, जिनकी भाषा और भावधारा आज की भाषा और भावधारा से बहुत व्यवधान पा चुकी है। इतिहास की यह अपवाद-शून्य गति है कि जो विचार या आचार जिस आकार में आरब्ध होता है, वह उसी आकार में स्थिर नहीं रहता या तो वह बड़ा हो जाता है या छोटा। यह ह्रास और विकास की कहानी ही परिवर्तन की कहानी है और कोई भी आकार ऐसा नहीं है जो कृत है और परिवर्तनशील नहीं है। परिवर्तनशील घटनाओं, तथ्यों, विचारों और आचारों के प्रति अपरिवर्तनशीलता का आग्रह मनुष्य को असत्य की ओर ले जाता है। सत्य का केन्द्र-बिन्दु यह है कि जो कृत है, वह सब परिवर्तनशील है। कृत या शाश्‍वत भी ऐसा क्या है, जहां परिवर्तन का स्पर्श न हो। इस विश्‍व में जो है, वह वही है जिसकी सत्ता शाश्‍वत और परिवर्तन की धारा से सर्वथा विभक्त नहीं है।

शब्द की परिधि में बंधने वाला कोई भी सत्य ऐसा हो सकता है, जो तीनों कालों में समान रूप से प्रकाशित रह सके। शब्द के अर्थ का उत्कर्ष या अपकर्ष होता है—भाषाशास्त्र के इस नियम को जानने वाला यह आग्रह नहीं रख सकता कि दो हजार वर्ष पुराने शब्द का आज वही अर्थ सही है, जो आज प्रचलित है। पाषण्ड शब्द का जो अर्थ ग्रन्थों और अशोक के शिलालेखों में है, वह आज के श्रमण-साहित्य में नहीं है। आज उसका अपकर्ष हो चुका है। आगम-साहित्य के सैकड़ों शब्दों की यही कहानी है कि वे आज मौलिक अर्थ का प्रकाश नहीं दे रहे हैं। इस स्थिति में हर चिन्तनशील व्यक्ति अनुभव कर सकता है कि प्राचीन साहित्य के सम्पादन का काम कितना दुरूह है।

मनुष्य अपनी शक्ति में विश्‍वास करता है और अपने पौरुष से खेलता है, अत: वह किसी भी कार्य को इसलिए नहीं छोड़ देता कि वह दुरूह है। यदि यह पलायन की प्रवृत्ति होती तो प्राप्य की संभावना नष्ट ही नहीं हो जाती किंतु आज जो प्राप्त है, वह अतीत के किसी भी क्षण में विलुप्त हो जाता। आज से हजार वर्ष पहले नवांगी टीकाकार अभयदेवसूरि के सामने अनेक कठिनाइयां थीं। उन्होंने उनकी चर्चा करते हुए लिखा है :—

१. सत् सम्प्रदाय (अर्थ-बोध की सम्यक् गुरु-परम्परा) प्राप्त नहीं है।

२. सत् ऊह (अर्थ की आलोचनात्मक कृति या स्थिति) प्राप्त नहीं है।

३. अनेक वाचनाएं (आगमिक अध्यापन की पद्धतियां) हैं।

४. पुस्तकें अशुद्ध हैं।

५. कृतियां सूत्रात्मक होने के कारण बहुत गंभीर हैं।

६. अर्थ-विषयक मतभेद भी हैं।

इन सारी कठिनाइयों के उपरांत भी उन्होंने अपना प्रयत्‍न नहीं छोड़ा और वे कुछ कर गए।

कठिनाइयां आज भी कम नहीं हैं किन्तु उनके होते हुए भी आचार्यश्री तुलसी ने आगम-संपादन के कार्य को अपने हाथों में ले लिया।

आगम-संपादन की प्रेरणा और संकल्प

विक्रम सम्वत् २०११ का वर्ष और चैत्र मास। आचार्यश्री तुलसी महाराष्ट्र की यात्रा कर रहे थे। पूना से नारायणगांव की ओर जाते-जाते मध्यावधि में एक दिन का प्रवास 'मंचर' में हुआ। आचार्यश्री एक जैन परिवार के भवन में ठहरे थे। वहां मासिक पत्रों की फाइलें पड़ी थीं। गृह-स्वामी की अनुमति ले, हम लोग उन्हें पढ़ रहे थे। सांझ की वेला, लगभग छह बजे होंगे। मैं एक पत्र के किसी अंश का निवेदन करने के लिए आचार्यश्री के पास गया। आचार्यश्री पत्रों को देख रहे थे। जैसे ही मैं पहुंचा, आचार्यश्री ने धर्मदूत के सद्यस्क अंक की ओर संकेत करते हुए पूछा—यह देखा कि नहीं? मैंने उत्तर में निवेदन किया—नहीं, अभी नहीं देखा। आचार्यश्री बहुत गम्भीर हो गए। एक क्षण रुक कर बोले—इसमें बौद्ध-पिटकों के सम्पादन की बहुत बड़ी योजना है। बौद्धों ने इस दिशा में पहले ही बहुत कार्य किया है और अब भी बहुत कर रहे हैं। जैन-आगमों का सम्पादन वैज्ञानिक पद्धति से अभी नहीं हुआ है और अभी ध्यान भी नहीं दिया जा रहा है। आचार्यश्री की वाणी में अन्तर-वेदना टपक रही थी, पर उसे पकड़ने के लिए समय की अपेक्षा थी।

रात्रिकालीन प्रार्थना के पश्‍चात् आचार्य श्री ने साधुओं को आमंत्रित किया। वे आए और वन्दना कर पंक्तिबद्ध बैठ गए। आचार्यश्री ने सायंकालीन चर्चा का स्पर्श करते हुए कहा—जैन आगमों का कायाकल्प किया जाये, ऐसा संकल्प उठा है। उसकी पूर्ति के लिए कार्य करना होगा। बोलो, कौन तैयार है ?

सारे हृदय एक साथ बोल उठे—सब तैयार हैं।

आचार्यश्री ने कहा—महान् कार्य के लिए महान् साधना चाहिए। कल ही पूर्व तैयारी में लग जाओ, अपनी-अपनी रुचि का विषय चुनो और उसमें गति करो।

मंचर से विहार कर आचार्यश्री संगमनेर पहुंचे। पहले दिन वैयक्तिक बातचीत होती रही। दूसरे दिन साधु-साध्वियों की परिषद् बुलाई गई। आचार्यश्री ने परिषद् के सम्मुख आगम-सम्पादन के संकल्प की चर्चा की। सारी परिषद् प्रफुल्ल हो उठी। आचार्यश्री ने पूछा—क्या इस संकल्प को अब निर्णय का रूप देना चाहिए ?

समलय से प्रार्थना का स्वर निकला—अवश्य, अवश्य। आचार्यश्री औरंगाबाद पधारे। सुराणा-भवन, चैत्र शुक्ला त्रयोदशी (वि० सं० २०१२), महावीर-जयंती का पुण्य-पर्व। आचार्यश्री ने साधु, साध्वी, श्रावक और श्राविका—इन चतुर्विध-संघ की परिषद् में आगम-सम्पादन की विधिवत् घोषणा की।

आगम-संपादन का कार्यारम्भ

वि० सं० २०१२ श्रावण मास (उज्जैन चातुर्मास) से आगम-सम्पादन का कार्यारम्भ हो गया। न तो सम्पादन का कोई अनुभव और न कोई पूर्व तैयारी। अकस्मात् धर्मदूत का निमित्त पा आचार्यश्री के मन में संकल्प उठा और उसे सबने शिरोधार्य कर लिया। चिन्तन की भूमिका से इसे निरी भावुकता ही कहा जाएगा, किन्तु भावुकता का मूल्य चिन्तन से कम नहीं है। हम अनुभव-विहीन थे, किन्तु आत्म-विश्‍वास से शून्य नहीं थे। अनुभव आत्म-विश्‍वास का अनुगमन करता है, किन्तु आत्म-विश्‍वास अनुभव का अनुगमन नहीं करता।

प्रथम दो-तीन वर्षों में हम अज्ञात दिशा में यात्रा करते रहे। फिर हमारी सारी दिशाएं और कार्य-पद्धतियां निश्‍चित व सुस्थिर हो गईं। आगम-सम्पादन की दिशा में हमारा कार्य सर्वाधिक विशाल व गुरुतर कठिनाइयों से परिपूर्ण है, यह कह कर मैं स्वल्प भी अतिशयोक्ति नहीं कर रहा हूं। आचार्यश्री के उत्साहवर्धक दिव्य आशीर्वाद से हमारा कार्य निरन्तर गतिशील हो रहा है। इस कार्य में हमें अन्य अनेक विद्वानों की सद्भावना, समर्थन व प्रोत्साहन मिल रहा है।

सामूहिक वाचना

जैन-परम्परा में वाचना का इतिहास बहुत प्राचीन है। आज से १५०० वर्ष पूर्व तक आगम की चार वाचनाएं हो चुकी हैं। देवर्द्धिगणी के बाद कोई सुनियोजित आगम-वाचना नहीं हुई। उनके वाचना-काल में जो आगम लिखे गए थे, वह इस लम्बी अवधि में बहुत ही अव्यवस्थित हो गए हैं। उनकी पुनर्व्यवस्था के लिए आज फिर एक सुनियोजित वाचना की अपेक्षा थी। आचार्य श्री तुलसी ने सुनियोजित सामूहिक वाचना के लिए प्रयत्‍न भी किया था, परन्तु वह पूर्ण नहीं हो सका। अन्तत: हम इसी निष्कर्ष पर पहुंचे कि हमारी वाचना अनुसंधानपूर्ण, गवेषणापूर्ण, तटस्थ-दृष्टि-समन्वित तथा सपरिश्रम होगी तो वह अपने आप सामूहिक हो जाएगी। इसी निर्णय के आधार पर हमारा यह आगम-वाचना का कार्य प्रारम्भ हुआ।

हमारी इस वाचना के प्रमुख आचार्यश्री तुलसी हैं। वाचना का अर्थ अध्यापन है। हमारी इस प्रवृत्ति में अध्यापन-कर्म के अनेक अंग हैं—पाठ का अनुसंधान, भाषान्तरण, समीक्षात्मक अध्ययन, तुलनात्मक अध्ययन आदि-आदि। इन सभी प्रवृत्तियों में आचार्यश्री का हमें सक्रिय योग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्राप्त था और आज भी वह अदृश्य रूप से प्राप्त है। यही हमारा इस गुरुतर कार्य में प्रवृत्त होने का शक्तिबीज है।

सन् १९६७ में उत्तरज्झयणाणि दो भागों में प्रकाशित हुआ था। पहले भाग में मूल पाठ, छाया और अनुवाद था तथा दूसरे भाग में केवल टिप्पण और अन्यान्य परिशिष्ट। द्वितीय संस्करण सन् १९९३ में दो भागों में प्रकाशित हुआ। इसमें टिप्पण संलग्‍न है। प्रथम भाग में आदि के बीस अध्ययन तथा दूसरे भाग में शेष सोलह अध्ययन। प्रथम संस्करण में टिप्पणों की संख्या छह सौ थी, द्वितीय संस्करण में टिप्पणों की संख्या चौदह सौ हो गई। प्रस्तुत तृतीय संस्करण में दोनों भाग समाहित हैं। इसमें ये नौ परिशिष्ट हैं—

१. पदानुक्रम

२. उपमा और दृष्टान्त

३. सूक्त

४. व्यक्ति-परिचय

५. भौगोलिक-परिचय

६. तुलनात्मक अध्ययन

७. टिप्पण-अनुक्रम

८. विशेष शब्द

९. प्रयुक्त ग्रन्थ।

कृतज्ञता ज्ञापन

जिनके शक्तिशाली हाथों का स्पर्श पाकर निष्प्राण भी प्राणवान् बन जाता है तो भला आगम साहित्य जो स्वयं प्राणवान् है, उसमें प्राणसंचार करना क्या बड़ी बात है? बड़ी बात तो यह है कि आचार्यश्री ने उसमें प्राण-संचार मेरी और मेरे सहयोगी साधु-साध्वियों की असमर्थ अंगुलियों द्वारा कराने का प्रयत्‍न किया है। संपादन कार्य में हमें आचार्यश्री का आशीर्वाद ही प्राप्त नहीं था, उनका मार्गदर्शन और सक्रिय योग भी प्राप्त था। आचार्यवर ने इस कार्य को प्राथमिकता दी है और इसकी परिपूर्णता के लिए अपना पर्याप्त समय भी दिया है। इनके मार्गदर्शन, चिन्तन और प्रोत्साहन का संबल पा हम अनेक दुस्तर धाराओं का पार पाने में समर्थ हुए हैं।

मैं आचार्यश्री के प्रति कृतज्ञता-ज्ञापन कर भार-मुक्त होऊं, उसकी अपेक्षा अच्छा है कि अग्रिम कार्य के लिए उनके मूक आशीर्वाद का संबल पा और अधिक भारी बनूं।

आगम-संपादन के कार्य में अनेक साधु-साध्वियों का योग रहा है। आज भी वे इस सारस्वत कार्य में संलग्‍न हैं। इस संस्करण की समायोजना में सर्वाधिक योग मुनि दुलहराजजी का है। अन्यान्य मुनियों ने भी यथाशक्ति योग दिया है। मुनि श्रीचन्दजी, मुनि राजेन्द्र कुमार जी, मुनि धनंजय कुमार जी ने टिप्पण लेखन में योग दिया है। संस्कृत छाया लेखन में सहयोगी रहे हैं मुनि सुमेरमल जी 'लाडनूं' तथा मुनि श्रीचंद जी 'कमल'। टिप्पण अनुक्रम का परिशिष्ट तैयार किया है, मुनि राजेन्द्र कुमार जी, मुनि प्रशान्त कुमार जी तथा समणी कुसुमप्रज्ञा ने। मुनि सुमेरमलजी 'सुदर्शन' ने भी प्रूफ आदि देखने में अपना समय लगाया है।

इस प्रकार प्रस्तुत संपादन में अनेक मुनियों की पवित्र अंगुलियों का योग रहा है। मैं उन सबके प्रति सद्भावना व्यक्त करता हूं और आशा करता हूं कि वे इस महान् कार्य के अग्रिम चरण में और अधिक दक्षता प्राप्त कर गणाधिपति तुलसी द्वारा प्रारब्ध इस कार्य को और अधिक गतिमान् बनाने का प्रयत्‍न करेंगे।

आचार्यश्री प्रेरणा के अनन्त स्रोत थे। हमें इस कार्य में उनकी प्रेरणा और प्रत्यक्ष योग प्राप्त था। इसलिए हमारा मार्ग ऋजु बन गया था। आज भी परोक्षत: उन्हीं के शक्ति-संबल से हम इस सारस्वत कार्य में नियोजित हैं, गतिमान् हैं। उनका शाश्‍वत आशीर्वाद दीप बनकर हमारा कार्य-पथ प्रकाशित करता रहे, यही हमारी आशंसा है।

३० जून २०००आचार्य महाप्रज्ञ

जैन विश्‍व भारती

लाडनूं

♦

भूमिका

भूमिका

१. आगम-सूत्रों का वर्गीकरण

जैन आगमों का प्राचीनतम वर्गीकरण पूर्व और अंग के रूप में प्राप्त होता है। पूर्व संख्या में चौदह थे और अंग बारह।

दूसरा वर्गीकरण आगम-संकलन-कालीन है। उसमें आगमों को दो वर्गों में विभक्त किया गया है—अंग-प्रविष्ट और अंग-बाह्य।

तीसरा वर्गीकरण इन दोनों का मध्यवर्ती है। उसमें आगम-साहित्य के चार वर्ग किए गए हैं—

(१) चरण-करणानुयोग, (२) धर्मकथानुयोग, (३) गणितानुयोग और (४) द्रव्यानुयोग।

एक वर्गीकरण सबसे उत्तरवर्ती है। उसके अनुसार आगम चार वर्गों में विभक्त होते हैं—

(१) अंग (२) उपांग (३) मूल और (४) छेद।

नंदी के वर्गीकरण में मूल और छेद का विभाग नहीं है। उपांग शब्द भी अर्वाचीन है। नंदी के वर्गीकरण में इस अर्थ का वाचक अनंग-प्रविष्ट या अंग-बाह्य शब्द है।

आगमों का एक वर्गीकरण अध्ययन-काल की दृष्टि से भी किया गया है। दिन और रात के प्रथम एवं अन्तिम प्रहर में पढ़े जाने वाले आगम 'कालिक' तथा दिन और रात के चारों प्रहरों में पढ़े जाने वाले आगम 'उत्कालिक' कहलाते हैं।

दशवैकालिक और उत्तराध्ययन अंग-बाह्य आगम हैं। ये दोनों 'मूल-सूत्र' कहे जाते हैं।

२. मूल-सूत्र

दशवैकालिक और उत्तराध्ययन गणधर-कृत नहीं हैं, इसलिए अंग-बाह्य हैं। इन्हें 'मूल' क्यों माना गया, इसका कोई प्राचीन उल्लेख उपलब्ध नहीं है। अनेक विद्वानों ने 'मूल' शब्द की अनेक आनुमानिक व्याख्याएं की हैं। ''दशवैकालिक : एक समीक्षात्मक अध्ययन'' में इनका उल्लेख हम कर चुके हैं।

प्रो. विन्टरनित्ज ने 'मूल' शब्द को 'मूल ग्रन्थ' के अर्थ में स्वीकृत किया है। उनका अभिप्राय यह है—इन सूत्रों पर अनेक टीकाएं हैं। इनसे 'मूल ग्रंथ' का भेद करने के लिए इन्हें 'मूल-सूत्र' कहा गया। यह प्रामाणिक नहीं है। प्रो. विन्टरनित्ज ने पिण्ड-निर्युक्ति को भी 'मूल-वर्ग' में सम्मिलित किया है। किन्तु उसकी अनेक टीकाएं नहीं हैं। यदि अनेक टीकाएं होने के कारण ही 'मूल-सूत्र' की संज्ञा दी गई तो पिण्डनिर्युक्ति इस वर्ग में नहीं आ सकती।

डॉ. सरपेन्टियर, डॉ. ग्यारीनो और प्रो. पटवर्धन ने 'मूल-सूत्र' का अर्थ 'भगवान् महावीर के मूल शब्दों का संग्रह' किया है। किन्तु यह भी संगत नहीं है। भगवान् महावीर के मूल शब्दों के कारण ही आगम को 'मूल' संज्ञा दी जाय तो वह आचारांग के प्रथम श्रुतस्कंध को ही दी जा सकती है। वह सबसे प्राचीन और महावीर के मूल शब्दों का संकलन है।

दशवैकालिक और उत्तराध्ययन मुनि की जीवन-चर्या के प्रारंभ में मूलभूत सहायक बनते हैं तथा आगमों का अध्ययन इन्हीं के पठन से प्रारंभ होता है। इसीलिए इन्हें 'मूल-सूत्र' की मान्यता मिली, ऐसा प्रतीत होता है। डॉ. सुब्रिंग का अभिमत भी यही है।

हमारा दूसरा अभिमत यह है कि इनमें मुनि के मूल गुणों—महाव्रत, समिति आदि का निरूपण है। इस दृष्टि से इन्हें 'मूल-सूत्र' की संज्ञा दी गई है।

३. मूलाचार और मूल-सूत्र

'मूलाचार' आचार्य वट्टकेर की रचना है। उसमें भी उक्त अभिमत की पुष्टि होती है। मूलाचार में मुनि के मूल आचार का निरूपण है। उसमें उत्तराध्ययन के अनेक श्‍लोक संगृहीत हैं।

दशवैकालिक, उत्तराध्ययन, आवश्यक तथा ओघनिर्युक्ति- पिण्डनिर्युक्ति को 'मूल-सूत्र' वर्ग में स्थापित करने वाले आचार्य के मन में वही कल्पना रही है, जो कल्पना आचार्य वट्टकेर के मन में 'मूलाचार' के अधिकार-निर्माण में रही है। 'मूल-सूत्रों' की विषय-वस्तु से जो अधिकार तुलनीय हैं, वे ये हैं—

(१) मूल-गुणाधिकार मिलाइए— दशवैकालिक, उत्तराध्ययन

(२) समाचाराधिकार मिलाइए— ओघनिर्युक्ति

(३) पिण्ड-शुद्धि अधिकार मिलाइए— पिण्डनिर्युक्ति

(४) षडावश्यकाधिकार मिलाइए— आवश्यक

इस सादृश्य के आधार पर दशवैकालिक, उत्तराध्ययन आदि को 'मूल-सूत्र' वर्ग में रखने का हेतु बुद्धिगम्य हो जाता है।

४. मूल-सूत्र की कल्पना और श्रुत-पुरुष

'मूल-सूत्र' वर्ग की कल्पना का एक कारण श्रुत-पुरुष (आगम-पुरुष) भी हो सकता है। नंदी-चूर्णि में श्रुत-पुरुष की कल्पना की गई है। पुरुष के शरीर में बारह अंग होते हैं—दो पैर, दो जंघाएं, दो ऊरु, दो गात्रार्थ (उदर और पीठ), दो भुजाएं, ग्रीवा और शिर। आगम-साहित्य में जो बारह अंग हैं, वे ही श्रुत-पुरुष के बारह अंग हैं।

अंग-बाह्य श्रुत-पुरुष के उपांग स्थानीय हैं। यह परिकल्पना अंग-प्रविष्ट और अंग-बाह्य—इन दो आगमिक वर्गों के आधार पर हुई है। इसमें 'मूल' और 'छेद' की कोई चर्चा नहीं है। हरिभद्रसूरि (विक्रम की ८ वीं शताब्दी) और आचार्य मलयगिरि (विक्रम की १३ वीं शताब्दी) के समय तक भी श्रुत-पुरुष की कल्पना में अंग-प्रविष्ट और अंग-बाह्य—ये दो ही परिपार्श्‍व रहे हैं। इन दोनों आचार्यों ने चूर्णि का अनुसरण किया है। उसमें कोई नई बात नहीं जोड़ी है। आचार्य मलयगिरि ने तो अंग-प्रविष्ट तथा आचारांग आदि को भी 'मूल-भूत' कहा है।६ श्रुत-पुरुष की प्राचीन रेखा-कृतियों में अंग-प्रविष्ट श्रुत की स्थापना इस प्रकार है—

१. दायां पैर— आचारांग

२. बायां पैर—सूत्रकृतांग

३. दाईं जंघा—स्थानांग

४. बाईं जंघा—समवायांग

५. दायां ऊरु—भगवती

६. बायां ऊरु—ज्ञाताधर्मकथा

७. उदर —उपासकदशा

८. पीठ—अन्तकृद्दशा

९. दाईं भुजा—अनुत्तरोपपातिकदशा

१०. बाईं भुजा —प्रश्‍नव्याकरण

११. ग्रीवा—विपाक

१२. शिर—दृष्टिवाद

इन स्थापना के अनुसार भी मूल-स्थानीय (चरण-स्थानीय) आचारांग और सूत्रकृतांग है।

श्रुत-पुरुष की अन्य रेखा कृतियों में स्थापना भिन्न प्रकार से मिलती है। उनमें मूल-स्थानीय चार सूत्र हैं—आवश्यक, दशवैकालिक, पिण्डनिर्युक्ति और उत्तराध्ययन। नंदी और अनुयोगद्वार को व्याख्या-ग्रन्थों (या चूलिका-सूत्रों) के रूप में 'मूल' से भी नीचे प्रदर्शित किया है।

पैंतालीस आगमों को प्रदर्शित करने वाली श्रुत-पुरुष की रेखाकृति बहुत अर्वाचीन है। यदि इनकी कोई प्राचीन रेखाकृति प्राप्त हो तो प्रस्तुत विषय की प्रामाणिक जानकारी हो सकती है। जिस समय पैंतालीस आगमों की मान्यता स्थिर हुई, उसके आस-पास या उसी समय, संभव है श्रुत-पुरुष की स्थापना में भी परिवर्तन हुआ। चूर्णि-कालीन श्रुत-पुरुष के 'मूल-स्थान' (चरण-स्थान) में आचारांग और सूत्रकृतांग थे। उत्तर-कालीन श्रुत-पुरुष के 'मूल-स्थान' में दशवैकालिक और उत्तराध्ययन आ गए। इन्हें 'मूल-सूत्र' मानने का यह सर्वाधिक संभावित हेतु है।

५. अध्ययन-क्रम का परिवर्तन और मूल-सूत्र

आगमिक-अध्ययन के क्रम में जो परिवर्तन हुआ, उससे भी इसकी पुष्टि होती है। दशवैकालिक की रचना से पूर्व आचारांग के बाद उत्तराध्ययन पढ़ा जाता था। दशवैकालिक की रचना होने के पश्‍चात् दशवैकालिक और उत्तराध्ययन पढ़ा जाने लगा।

प्राचीनकाल में आचारांग के प्रथम अध्ययन 'शस्त्र-परिज्ञा' का अध्ययन करा कर शैक्ष की उपस्थापना की जाती थी और फिर वह दशवैकालिक के चतुर्थ अध्ययन 'षड्जीवनिका' का अध्ययन करा कर की जाने लगी।

प्राचीनकाल में आचारांग के द्वितीय अध्ययन के पंचम उद्देशक के 'आमगन्ध' सूत्र का अध्ययन करने के बाद मुनि 'पिण्डकल्पी' होता था। फिर वह दशवैकालिक के पांचवें अध्ययन 'पिण्डैषणा' के अध्ययन के पश्‍चात् 'पिण्डकल्पी' होने लगा।

ये तीनों तथ्य इस बात के साक्षी हैं कि एक समय आचारांग का स्थान दशवैकालिक ने ले लिया। आचार की जानकारी के लिए आचारांग मूलभूत था, वैसे ही दशवैकालिक भी आचार-ज्ञान के लिए मूलभूत बन गया। संभव है आदि में पढ़े जाने के कारण तथा मुनि की अनेक मूलभूत प्रवृत्तियों के उद्बोधक होने के कारण इन्हें 'मूल-सूत्र' की संज्ञा दी गई।

६. मूल-सूत्रों की संख्या

१. उपाध्याय समयसुन्दर ने सामाचारी शतक में (रचना-काल विक्रम सं. १६७२) 'मूल-सूत्र' चार माने हैं—(१) दशवैकालिक, (२) ओघनिर्युक्ति, (३) पिण्डनिर्युक्ति और (४) उत्तराध्ययन।

२. भावप्रभसूरि (१८ वीं शताब्दी) ने भी 'मूल-सूत्र' चार माने हैं—(१) उत्तराध्ययन, (२) आवश्यक, (३) पिण्डनिर्युक्ति-ओघनिर्युक्ति और (४) दशवैकालिक। ये नाम उपाध्याय समयसुन्दर के नामों से भिन्न हैं। इसमें पिण्डनिर्युक्ति और ओघनिर्युक्ति को एक मानकर 'आवश्यक' को भी 'मूल-सूत्र' माना गया है।

३. स्थानकवासी और तेरापन्थ सम्प्रदाय में उत्तराध्ययन, दशवैकालिक, नंदी और अनुयोगद्वार—इन चार सूत्रों को 'मूल' माना गया है।

४. आधुनिक विद्वानों ने 'मूल-सूत्रों' की संख्या और क्रम-व्यवस्था निम्‍न प्रकार मानी है—

(क) प्रो. वेबर और प्रो. बूलर—उत्तराध्ययन, आवश्यक और दशवैकालिक को 'मूल-सूत्र' ठहराते हैं।

(ख) डॉ. सरपेन्टियर, डॉ. विन्टरनित्ज और डॉ. ग्यारिनो—उत्तराध्ययन, आवश्यक, दशवैकालिक और ओघनिर्युक्ति को 'मूल-सूत्र' मानते हैं।

(ग) डॉ. सुब्रिंग—उत्तराध्ययन, दशवैकालिक, आवश्यक, पिण्डनिर्युक्ति और ओघनिर्युक्ति को 'मूल-सूत्रों' की संज्ञा देते हैं।

(घ) प्रो. हीरालाल कापड़िया—आवश्यक, उत्तराध्ययन, दशवैकालिक, दशवैकालिक-चूलिकाएं, पिण्डनिर्युक्ति और ओघनिर्युक्ति को 'मूल-सूत्र' कहते हैं।

उक्त सब अभिमतों को संकलित करने पर 'मूल-सूत्रों' की संख्या आठ हो जाती है—आवश्यक, दशवैकालिक, दशवैकालिक-चूलिकाएं, उत्तराध्ययन, पिण्डनिर्युक्ति, ओघनिर्युक्ति, अनुयोगद्वार और नंदी।

आगमों के वर्गीकरण में आवश्यक का स्थान बहुत महत्त्वपूर्ण है। अनंग-प्रविष्ट आगमों के दो विभाग किए हैं। उनमें पहला आवश्यक और दूसरा आवश्यक-व्यतिरिक्त है। दशवैकालिक, उत्तराध्ययन आदि आगम दूसरे विभाग के अन्तर्गत हैं, जब कि आवश्यक का अपना स्वतंत्र स्थान है। इसलिए इसे 'मूल-सूत्रों' की संख्या में सम्मिलित करने का कोई हेतु प्रस्तुत नहीं है।

ओघनिर्युक्ति और पिण्डनिर्युक्ति—ये दोनों आगम नहीं हैं, किन्तु व्याख्या-ग्रन्थ हैं। पिण्डनिर्युक्ति दशवैकालिक के पांचवें अध्ययन—पिण्डैषणा—की व्याख्या है। ओघ-निर्युक्ति ओघ-सामाचारी की व्याख्या है। यह आवश्यक निर्युक्ति का एक अंश है। विस्तृत कलेवर होने के कारण इसे पृथक् ग्रंथ का रूप दिया गया।१ इसलिए इन्हें 'मूल-सूत्रों' की संख्या में सम्मिलित करने की अपेक्षा दशवैकालिक और आवश्यक के सहायक ग्रन्थों के रूप में स्वीकार करना अधिक संगत लगता है।

अनुयोगद्वार और नंदी—ये दोनों चूलिका-सूत्र हैं। इन्हें 'मूल-सूत्र' वर्ग में रखने का हेतु उपलब्ध नहीं है। सम्भव है बत्तीस सूत्रों की मान्यता के साथ (वि. १६ वीं शताब्दी में) इन्हें 'मूल-सूत्र' वर्ग में रखा गया। श्रीमज्जयाचार्य ने पूर्व प्रचलित परम्परा के अनुसार अनुयोगद्वार और नंदी को 'मूल-सूत्र' माना है। किन्तु इस पर उन्होंने अपनी ओर से कोई मीमांसा नहीं की है।

इस प्रकार 'मूल-सूत्रों' की संख्या दो रह जाती है—दशवैकालिक और उत्तराध्ययन।

७. मूल-सूत्रों का विभाजन-काल

दशवैकालिक की निर्युक्ति, चूर्णि और हारिभद्रीय वृत्ति में मूल-सूत्रों की कोई चर्चा नहीं है।

इसी प्रकार उत्तराध्ययन की निर्युक्ति, चूर्णि और शान्त्याचार्य कृत बृहद्वृत्ति में भी उनकी कोई चर्चा नहीं है।

इससे यह स्पष्ट है कि विक्रम की ११वीं शताब्दी तक 'मूल-सूत्र' वर्ग की स्थापना नहीं हुई थी।

धनपाल का अस्तित्व-काल ग्यारहवीं शताब्दी है। उन्होंने 'श्रावक-विधि' में पैंतालीस आगमों का उल्लेख किया है। इससे यह अनुमान होता है कि धनपाल से पहले ही आगमों की संख्या पैंतालीस निर्धारित हो चुकी थी। प्रद्युम्‍नसूरि (वि. १३ वीं शताब्दी) कृत विचारसार-प्रकरण में भी आगमों की संख्या पैंतालीस है, किन्तु इनमें 'मूल-सूत्र' विभाग नहीं है। उसमें ग्यारह अंग और चौंतिस ग्रंथों का उल्लेख मिलता है।

प्रभावक-चरित में अंग, उपांग, मूल और छेद—आगमों के ये चार विभाग प्राप्त हैं। यह विक्रम संवत् १३३४ की रचना है।

इससे यह फलित होता है कि 'मूल-सूत्र' वर्ग की स्थापना चौदहवीं शताब्दी के पूर्वार्द्ध में हो चुकी थी। फिर उपाध्याय समयसुन्दर के सामाचारी शतक में इसका उल्लेख प्राप्त होता है।

८. दशवैकालिक और उत्तराध्ययन का स्थान

जैन-आगमों में दशवैकालिक और उत्तराध्ययन का स्थान बहुत महत्त्वपूर्ण है। श्‍वेताम्बर और दिगम्बर—दोनों परम्पराओं के आचार्यों ने इनका बार-बार उल्लेख किया है। दिगम्बर-साहित्य में अंग-बाह्य के चौदह प्रकार बतलाए गए हैं। उनमें सातवां दशवैकालिक और आठवां उत्तराध्ययन है।

श्‍वेताम्बर-साहित्य में अंग-बाह्य श्रुत के दो मुख्य विभाग हैं—(१) कालिक और (२) उत्कालिक। कालिक सूत्रों की गणना में पहला स्थान उत्तराध्ययन का और उत्कालिक सूत्रों की गणना में पहला स्थान दशवैकालिक का है।

९. उत्तराध्ययन

आलोच्यमान आगम का नाम 'उत्तराध्ययन' है। इसमें दो शब्द हैं—'उत्तर' और 'अध्ययन'। समवायांग के—'छत्तीसं उत्तरज्झयणा'—इस वाक्य में उत्तराध्ययन के 'छत्तीस अध्ययन' प्रतिपादित नहीं हुए हैं, किन्तु 'छत्तीस उत्तर अध्ययन' प्रतिपादित हुए हैं। नंदी में भी 'उत्तरज्झयणाइं' यह बहुवचनात्मक नाम मिलता है।

उत्तराध्ययन के अंतिम श्‍लोक में भी—'छत्तीसं उत्तरज्झाए'—ऐसा बहुवचनात्मक नाम मिलता है। निर्युक्तिकार ने 'उत्तराध्ययन' का बहुवचन में प्रयोग किया है। चूर्णिकार ने छत्तीस उत्तराध्ययन का एक श्रुतस्कन्ध (एक ग्रंथ रूप) स्वीकार किया है। फिर भी उन्होंने इसका नाम बहुवचनात्मक माना है।

इस बहुवचनात्मक नाम से यह फलित होता है कि उत्तराध्ययन अध्ययनों का योग मात्र है, एक-कर्तृक एक ग्रन्थ नहीं।

'उत्तर' शब्द 'पूर्व' सापेक्ष है। चूर्णिकार ने प्रस्तुत अध्ययनों की तीन प्रकार से योजना की है।१३—

(१) स-उत्तर —पहला अध्ययन

(२) निरुत्तर —छत्तीसवां अध्ययन

(३) स-उत्तर-निरुत्तर —बीच के सारे अध्ययन

किन्तु 'उत्तर' शब्द की यह अर्थ-योजना चूर्णिकार की दृष्टि में अधिकृत नहीं है। उनकी दृष्टि में अधिकृत अर्थ वही है जो निर्युक्तिकार के द्वारा प्रस्तुत है। निर्युक्तिकार के अनुसार प्रस्तुत अध्ययन आचारांग के उत्तरकाल में पढ़े जाते थे, इसलिए इन्हें 'उत्तर अध्ययन' कहा गया। श्रुतकेवली शय्यंभव (वीर-निर्वाण सं. ९८) के पश्‍चात् ये अध्ययन दशवैकालिक के उत्तरकाल में पढ़े जाने लगे। इसलिए ये 'उत्तर अध्ययन' ही बने रहे। यह 'उत्तर' शब्द की संगत व्याख्या प्रतीत होती है।

दिगम्बर-आचार्यों ने भी 'उत्तर' शब्द की अनेक दृष्टिकोणों से व्याख्या की है। धवलाकार (वि. ९ वीं शताब्दी) के मतानुसार 'उत्तराध्ययन' उत्तर-पदों का वर्णन करता है। यह 'उत्तर' शब्द समाधान-सूचक है।

अंगपण्णत्ति (वि. १६ वीं शताब्दी) से 'उत्तर' शब्द के दो अर्थ फलित होते हैं—

(१) उत्तरकाल—किसी ग्रंथ के पश्‍चात् पढ़े जाने वाले अध्ययन। (२) उत्तर—प्रश्‍नों का उत्तर देने वाले अध्ययन।

ये अर्थ भी 'उत्तर' और 'अध्ययनों' के सम्बन्ध में वास्तविकता पर प्रकाश डालते हैं।

उत्तराध्ययन में प्रश्‍नोत्तर-शैली से लिखित पांच अध्ययन हैं—९, १६, २३, २५ और २९। आंशिक रूप में कुछ प्रश्‍नोत्तर अन्य अध्ययनों में भी हैं। इस दृष्टि से 'उत्तर' का समाधान-सूचक अर्थ संगत होते हुए भी पूर्णत: व्याप्त नहीं है।

'उत्तरकाल' वाची अर्थ संगत होने के साथ-साथ पूर्णत: व्याप्त भी है, इसलिए इस 'उत्तर' का मुख्य अर्थ यही प्रतीत होता है।

१०. उत्तराध्ययन : रचना-काल और कर्तृत्व

उत्तराध्ययन एक कृति है। कोई भी कृति शाश्‍वत नहीं होती, इसलिए यह प्रश्‍न भी स्वाभाविक है कि इसका कर्त्ता कौन है? इस प्रश्‍न पर सर्व प्रथम निर्युक्तिकार ने विचार किया है। चूर्णिकार ने भी इस प्रश्‍न को स्पष्ट शब्दों में उठाया है। निर्युक्तिकार की दृष्टि में उत्तराध्ययन एक-कर्तृक नहीं है। उनके मतानुसार उत्तराध्ययन के अध्ययन कर्तृत्व की दृष्टि से, चार वर्गों में विभक्त होते हैं—

(१) अंगप्रभव

(२) जिन-भाषित

(३) प्रत्येकबुद्ध-भाषित

(४) संवाद-समुत्थित।

दूसरा अध्ययन अंगप्रभव माना गया है। निर्युक्तिकार के अनुसार वह कर्मप्रवाद पूर्व के सतरहवें प्राभृत से उद्धृत है। दसवां अध्ययन जिन-भाषित है। आठवां अध्ययन प्रत्येकबुद्ध-भाषित है। नवां और तेईसवां अध्ययन संवाद-समुत्थित है। ये चूर्णि और बृहद्वृत्तिकार द्वारा उदाहृत हैं।

उत्तराध्ययन की मूल रचना पर ध्यान देने से उसके कर्तृत्व पर कुछ प्रकाश पड़ता है। प्रस्तुत सूत्र में गद्यात्मक अध्ययन तीन हैं—दूसरा, सोलहवां और उनतीसवां।

दूसरे अध्ययन का प्रारंभिक वाक्य है—''सुयं मे, आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं—इह खलु बावीसं परीसहा समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइया।''

सोलहवें अध्ययन का प्रारम्भिक वाक्य है—''सुयं मे, आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं—इह खलु थेरेहिं भगवंतेहिं दस बंभचेरसमाहिठाणा पण्णत्ता।''

उनतीसवें अध्ययन का प्रारम्भिक वाक्य है—''सुयं मे, आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं—इह खलु सम्मत्तपरक्कमे नाम अज्झयणे समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइए।''

इन प्रारंभिक वाक्यों से फलित होता है कि दूसरा और उनतीसवां अध्ययन महावीर द्वारा निरूपित है अर्थात् जिन-भाषित है और सोलहवां अध्ययन स्थविर-विरचित है।

निर्युक्ति में दूसरे अध्ययन को कर्मप्रवाद-पूर्व से निर्यूढ़ माना गया है और इसके प्रारम्भिक वाक्य से यह फलित होता है कि यह जिन-भाषित है।

निर्युक्तिकार के चार वर्गों से कर्तृत्व पर कोई प्रकाश नहीं पड़ता, किन्तु विषय-वस्तु पर प्रकाश पड़ता है। दसवें अध्ययन की विषय-वस्तु भगवान् महावीर द्वारा कथित है, किन्तु उस अध्ययन के कर्त्ता भगवान् महावीर नहीं हैं—यह उस अध्ययन के अंतिम वाक्य—'बुद्धस्स निसन्न भासियं' से स्पष्ट है। इसी प्रकार दूसरे और उनतीसवें अध्ययन के प्रारम्भिक वाक्यों से भी यही तथ्य प्रकट होता है। छठे अध्ययन के अंतिम श्‍लोक से भी यही सूचित होता है—

एवं से उदाहु अणुत्तरनाणी अणुत्तरदंसी अणुत्तरनाणदंसणधरे।

अरहा नायपुत्ते भगवं वेसालिए वियाहिए।।(६।१७)

प्रत्येकबुद्ध-भाषित अध्ययन प्रत्येकबुद्ध-विरचित नहीं है। आठवें अध्ययन के अंतिम श्‍लोक से इस अभिमत की पुष्टि होती है—

इइ एस धम्मे अक्खाए कविलेणं च विसुद्धपन्नेणं।

तरिहिंति जे उ काहिंति तेहिं आराहिया दुवे लोगे।।(८/२०)

संवाद-समुत्थित अध्ययन, नवां और तेईसवां भी नमि तथा केशि-गौतम द्वारा विरचित नहीं हैं। इसका समर्थन भी उनके अन्तिम श्‍लोकों से होता है—

एवं करेंति संबुद्धा पंडिया पवियक्खणा।

विणियट्टंति भोगेसु जहा से नमी रायरिसि।।(९।६२)

तोसिया परिसा सव्वा सम्मग्गं समुवट्ठिया।

संथुया ते पसीयंतु भयवं केसिगोयमे।।(२३।८९)

इस प्रकार हम देखते हैं कि निर्युक्तिकार के चार वर्गों से इतना ही फलित होता है कि भगवान् महावीर, कपिल, नमि और केशि-गौतम—इनके उपदेशों, उपदेश-गाथाओं या संवादों को आधार बनाकर ये अध्ययन रचे गए हैं। ये कब और किसके द्वारा रचे गए—इस प्रश्‍न का निर्युक्ति में कोई उत्तर प्राप्त नहीं है। चूर्णि और बृहद्वृत्ति में भी नहीं है। अन्य किसी साधन से भी प्रस्तुत सूत्र के कर्त्ता का नाम ज्ञात नहीं हो सका है। इसके रचना-काल की मीमांसा से हम इतना जान सकते हैं कि ये अध्ययन विभिन्न युगों में हुए अनेक ऋषियों द्वारा उद् गीत हैं।

सांख्य, न्याय, वैशेषिक आदि दर्शन ई. पू. ५ वीं शताब्दी से लेकर ई. पू. पहली शताब्दी तक व्यवस्थित रूप धारण कर चुके थे। भगवद्गीता ओर उत्तरवर्ती उपनिषदों का निर्माण ई. पू. ५०० के लगभग हुआ था। आत्मा, पुनर्जन्म, मोक्ष, कर्म, संसार की क्षणभंगुरता, वैराग्य व संन्यास की चर्चा इस युग में विशेष विकसित हुई थी।

उत्तराध्ययन में हम ई. पू. ६०० से ई. सन् ४०० तक की धार्मिक व दार्शनिक धारा का प्रतिनिधित्व या विकास पाते हैं। हो सकता है कि इनका कुछ अंश महावीर से पहले का भी हो। चूर्णि में ऐसा संकेत भी मिलता है कि उत्तराध्ययन का छठा अध्ययन भगवान् पार्श्‍व द्वारा उपदिष्ट है।

'दशवैकालिक' वीर निर्वाण की पहली शताब्दी की रचना है। उत्तराध्ययन एक ग्रन्थ के रूप में इससे पूर्व संकलित हो चुका था। उस समय उसके अध्ययन कितने थे, यह निश्‍चय-पूर्वक नहीं कहा जा सकता।

वीर-निर्वाण की दसवीं शताब्दी (९८०-९९३) में देवर्द्धिगणी ने आगमों का संकलन किया था। उन्होंने उत्तराध्ययन के आकार-प्रकार व विषय-वस्तु में कोई अभिवृद्धि की या नहीं की, इसका प्रत्यक्ष उल्लेख प्राप्त नहीं है, किन्तु नहीं की, ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है। अत: उत्तराध्ययन को हम एक सहस्राब्दी की विचारधारा का प्रतिनिधि सूत्र कह सकते हैं। इसमें जहां वेद और ब्राह्मण-साहित्य-कालीन यज्ञ और जातिवाद की चर्चा है, वहां द्रव्य, गुण और पर्याय की परिभाषाएं भी हैं। उन परिभाषाओं को दर्शनकालीन (ई. पू. ५ वीं से ई. पू. पहली शताब्दी) माना जाए तो यह निष्पन्न होता है कि उत्तराध्ययन के अध्ययन विभिन्न कालों में निर्मित हुए और अंतिम वाचना के समय देवर्द्धिगणी ने उनका छत्तीस अध्ययनात्मक एक ग्रंथ के रूप में संकलन किया। इसीलिए समवायांग में छत्तीस उत्तर-अध्ययनों के नाम उल्लिखित हुए। अन्यथा अंग-साहित्य में इनका उल्लेख संभव नहीं होता। वर्तमान संकलन को सामने रखकर हम चिन्तन करें तो उत्तराध्ययन के संकलयिता देवर्द्धिगणी हैं। इसके प्रारंभिक संकलन और देवर्द्धिगणी कालीन संकलन में अध्ययनों की संख्या और विषय-वस्तु में पर्याप्त अन्तर आता है।

विषय-वस्तु की दृष्टि से उत्तराध्ययन के अध्ययन चार भागों में विभक्त होते हैं—

(१) धर्मकथात्मक—७, ८, ९, १२, १३, १४, १८, १९, २०, २१, २२, २३, २५ और २७।

(२) उपदेशात्मक—१, ३, ४, ५, ६ और १०।

(३) आचारात्मक—२, ११, १५, १६, १७, २४, २६, ३२, और ३५।

(४) सैद्धान्तिक—२८, २९, ३०, ३१, ३३, ३४ और ३६।

आर्यरक्षित सूरि (वि. प्रथम शताब्दी) ने आगमों के चार वर्ग किए—

(१) चरण-करणानुयोग

(२) धर्मकथानुयोग

(३) गणितानुयोग

(४) द्रव्यानुयोग।

इस वर्गीकरण में उत्तराध्ययन धर्मकथानुयोग के अंतर्गत गृहीत है। पर आचारात्मक अध्ययन चरण-करणानुयोग में तथा सैद्धांतिक अध्ययन द्रव्यानुयोग में समाते हैं। देखें पेज २१ (भूमिका)। यह सम्मिश्रण देवर्द्धिगणी के संकलन-काल में हुआ, यह बहुत संभव है।

कुछ विद्वानों का अभिमत है कि उत्तराध्ययन के पहले अठारह अध्ययन प्राचीन हैं और उत्तरवर्ती अठारह अध्ययन अर्वाचीन। किन्तु इस अभिमत की पुष्टि के लिए उन्होंने कोई निश्‍चित हेतु प्रस्तुत नहीं किया है। यह हो सकता है कि कुछ उत्तरवर्ती अध्ययन अर्वाचीन हों, किन्तु सारे उत्तरवर्ती अध्ययन अर्वाचीन हैं, ऐसा मानने के लिए कोई कारण प्राप्त नहीं है। इकतीसवें अध्ययन में आचारांग, सूत्रकृतांग आदि प्राचीन आगमों के साथ-साथ दशाश्रुतस्कन्ध, बृहतकल्प, व्यवहार और निशीथ जैसे अर्वाचीन आगमों के नाम भी उपलब्ध होते हैं। ये श्रुतकेवली भद्रबाहु (वीर-निर्वाण दूसरी शती) द्वारा निर्यूढ़ या कृत हैं। इसलिए प्रस्तुत अध्ययन भद्रबाहु के बाद की रचना है।

अठाइसवें अध्ययन में अंग और अंग-बाह्य—इन दो आगमिक विभागों के अतिरिक्त ग्यारह अंग, प्रकीर्णक और दृष्टिवाद का उल्लेख भी मिलता है। प्राचीन आगमों के चौदह पूर्वों, ग्यारह अंगों या बारह अंगों के अध्ययन का वर्णन मिलता है। किन्तु अंग-बाह्य या प्रकीर्णक श्रुत के अध्ययन का वर्णन नहीं मिलता, इसलिए यह अध्ययन भी उत्तरकालीन आगम-व्यवस्था के आस-पास की रचना प्रतीत होती है।

इस अध्ययन में द्रव्य, गुण तथा पर्याय की परिभाषाएं भी हैं। इनकी तुलना क्रमश: वैशेषिक दर्शन के द्रव्य, गुण और कर्म से की जा सकती है।

उत्तराध्ययन

(१) द्रव्य— गुणाणमासओ दव्वं

(२) गुण— एगदव्वस्सिया गुणा

(३) पर्याय— लक्खणं पज्जवाणं तु उभओ अस्सिया भवे।

वैशेषिक दर्शन

(१) द्रव्य— क्रियागुणवत् समवायिकारणमिति द्रव्यलक्षणम्।

(२) गुण— द्रव्याश्रय्यगुणवान् संयोगीविभागेष्वकारणमनपेक्ष इति गुणलक्षणम्।

(३) कर्म— एकद्रव्यमगुणं संयोगविभागेष्वनपेक्षकारणमिति कर्मलक्षणम्।

आगम साहित्य में द्रव्य, गुण और पर्याय की परिभाषा प्रथम बार उत्तराध्ययन में प्राप्त होती है। आगमों में विवरणात्मक अर्थ ही अधिक मिलते हैं, संक्षिप्त परिभाषाएं प्राय: नहीं मिलती। इसकी पूर्ति व्याख्या-ग्रन्थों से होती है। उत्तराध्ययन में ये परिभाषाएं विशेष अर्थ-सूचक हैं। प्रस्तुत अध्ययन में कर्त्ता वैशेषिक दर्शन की उक्त परिभाषाओं से परिचित रहे हैं, ऐसा प्रतीत होता है। इसलिए यह अध्ययन भी अर्वाचीन संकलन में संकलित हुआ—ऐसा अनुमान होता है। उत्तराध्ययन के प्राचीन संस्करण में कितने अध्ययन संकलित थे और अर्वाचीन संस्करण में कितने अध्ययन संकलित किए गये, यह निश्‍चय पूर्वक नहीं कहा जा सकता। किन्तु स्थूल रूप में इतना कहा जा सकता है कि प्राचीन संस्करण का मुख्य भाग कथा-भाग था और अर्वाचीन परिवर्धन का मुख्य भाग सैद्धान्तिक है।

उत्तराध्ययन की विषय-वस्तु का उल्लेख श्‍वेताम्बर और दिगम्बर दोनों परम्पराओं में मिलता है।

'जैन सिद्धान्त भवन', आरा (बिहार) में प्राप्त धवला की प्रति (पत्र ५४५) में मिलता है—उत्तराध्ययन में उद्गम, उत्पादन और एषणा से सम्बन्धित दोषों के प्रायश्‍चित्तों का विधान है।''

अंगपण्णत्ति में लिखा है—''बाईस परीषहों और चार प्रकार के उपसर्गों के सहन का विधान, उसका फल तथा इस प्रश्‍न का यह उत्तर है—यह उत्तराध्ययन का प्रतिपाद्य विषय है।''

धवला में यह भी लिखा है कि उत्तराध्ययन उत्तरपदों का वर्णन करता है।

हरिवंश पुराण (वि. सं. ८४०) में लिखा है कि उत्तराध्ययन में वीर-निर्वाणगमन का वर्णन है।

इस प्रकार दिगम्बर-साहित्य में उत्तराध्ययन की विषय-वस्तु का जो वर्णन मिलता है, उसकी संगति उत्तराध्ययन के वर्तमान स्वरूप से नहीं होती। अंगपण्णत्ति का विषय-दर्शन आंशिक रूप से संगत होता है। जैसे—

(१) बाईस परीषहों के सहन का विधान, देखिए—दूसरा अध्ययन।

(२) प्रश्‍नों के उत्तर, देखिए—उनतीसवां अध्ययन।

प्रायश्‍चित्त विधि के वर्णन तथा महावीर के निर्वाण-प्राप्ति के वर्णन की वर्तमान उत्तराध्ययन के साथ कोई संगति नहीं है। संभव है इन लेखकों के सामने उत्तराध्ययन का कोई दूसरा संस्करण रहा है या भ्रान्त अनुश्रुति के आधार पर ऐसा लिखा है।

दिगम्बर-साहित्य से एक बात निश्‍चित रूप से फलित होती है कि उत्तराध्ययन अंग-बाह्य प्रकीर्णक है। इसका अर्थ यह हुआ कि वह आरातीय आचार्यों (गणधरों के उत्तर-कालीन आचार्यों) की रचना है।

श्‍वेताम्बर-साहित्य में उत्तराध्ययन की विषय-वस्तु का वर्णन वही मिलता है, जो वर्तमान उत्तराध्ययन में प्राप्त है।

वीर-निर्वाण की पहली शताब्दी की पूर्ति के साथ-साथ दशवैकालिक की रचना हो चुकी थी। उत्तराध्ययन उससे पूर्ववर्ती रचना है। वह आचारांग के बाद पढ़ा जाने लगा था। उसे अपनी विशेषता के कारण थोड़े समय में ही महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त हो चुका था। इस स्थिति के संदर्भ में यह अनुमान किया जा सकता है कि उत्तराध्ययन के प्रारम्भिक संस्करण की संकलना वीर-निर्वाण की पहली शताब्दी के पूर्वार्द्ध में ही हो चुकी थी।

उत्तराध्ययन के प्रारम्भिक संस्करण की प्राचीनता असंदिग्ध है। उसकी प्राचीनता जानने के दो साधन हैं—

(१) भाषा-प्रयोग और

(२) सिद्धान्त।

भाषा-प्रयोग : तीसरे अध्ययन (श्‍लोक १४) में 'जक्ख' (सं. यक्ष) शब्द का 'अर्चनीय देव' के अर्थ में प्रयोग हुआ है। यह प्रयोग प्राचीनता का सूचक है। यज्ञ के उत्कर्ष काल में ही 'यक्ष' शब्द उत्कर्षवाची था। दोनों की निष्पत्ति एक ही धातु (यज्) से है। यज्ञ का अपकर्ष के साथ-साथ 'यक्ष' शब्द के अर्थ का भी अपकर्ष हो गया। उत्तरकालीन साहित्य में वह देवों की एक हीन जाति का वाचक मात्र रह गया।

इसी प्रकार 'पाढव' (३।१३), 'वुसीमओ' (५।१८), मिलेक्खुया (१०।१६), 'अज्झत्थ' (६।६), 'समिय' (६।४), आदि अनेक शब्द हैं, जो आचारांग और सूत्रकृतांग जैसे प्राचीन आगमों में ही मिलते हैं।

सिद्धान्त : जातिवाद (अध्ययन १२ और १३), यज्ञ एवं तीर्थस्थान (अध्ययन १२), ब्राह्मणों के लक्षणों का प्रतिपादन (अध्ययन २५)—ये इन अध्ययनों की प्राचीनता के सूचक हैं। ये सम्बन्धित चर्चाओं के उत्कर्ष काल में लिखे गए हैं, अन्यथा शान्त चर्चा का इतनी सप्राणता के साथ प्रतिपादन नहीं हो सकता। इसी तथ्य के आधार पर कहा जा सकता है कि ये अध्ययन महावीर-कालीन अथवा उनके परिपार्श्‍व-कालीन हैं। संभव है कुछ अध्ययन पूर्ववर्ती भी हों।

चिकित्सा का वर्जन (२।३२,३३), परिकर्म का वर्जन (अध्ययन १९), अचेलकता का प्रतिपादन (२।३४, ३५; २३।२९) तथा अचेलकता और सचेलकता की सामंजस्य-पूर्ण स्थिति का स्वीकार (२।१२,१३)—ये सभी जैन आचार की प्राचीनतम परम्परा के अवशेष हैं जो उत्तरवर्ती साहित्य में नवीन परंपराओं की पृष्ठभूमि में प्रश्‍न-चिन्ह बने हुए हैं।

उत्तराध्ययन अपने मूल रूप में धर्मकथानुयोग है। इसके कथा-भाग में भगवान् महावीर के उत्तरकालीन किसी भी राजा, मुनि या व्यक्ति का नाम नहीं है। इससे भी यह ज्ञात होता है कि इसका प्रारम्भिक-संस्करण भगवान् महावीर के निर्वाण-काल के आस-पास ही संकलित हो गया था।

११. क्या उत्तराध्ययन भगवान् महावीर की अंतिम वाणी है?

कल्पसूत्र में बताया गया है कि भगवान् महावीर कल्याणफल-विपाक वाले ५५ अध्ययनों, पाप-फल वाले ५५ अध्ययनों तथा ३६ अपृष्ट-व्याकरणों का व्याकरण कर 'प्रधान' नामक अध्ययन का निरूपण करते-करते सिद्ध-बुद्ध-मुक्त हो गए।

उपर्युक्त उद्धरण के आधार पर यह माना जा सकता है कि छत्तीस अपृष्ट-व्याकरण वस्तुत: उत्तराध्ययन के छत्तीस अध्ययन ही हैं। उत्तराध्ययन के अंतिम श्‍लोक (३६।२६८) से इसकी पुष्टि की जाती है—

इइ पाउकरे बुद्धे, नायए परिनिव्वुए।

छत्तीसं उत्तरज्झाए, भवसिद्धीयसंमए।।

चूर्णिकार ने इसका अर्थ निम्‍न प्रकार किया है—ज्ञातकुल में उत्पन्न वर्द्धमान स्वामी छत्तीस उत्तराध्ययनों का प्रकाशन या प्रज्ञापन कर परिनिर्वाण को प्राप्त हुए।

शान्त्याचार्य ने चूर्णिकार का अनुसरण करते हुए भी इसमें अपनी ओर से दो बातें और जोड़ी हैं। पहली यह है कि भगवान् महावीर ने उत्तराध्ययन के कुछ अध्ययनों का अर्थ-रूप में और कुछ अध्ययनों का सूत्र-रूप में प्रज्ञापन किया। दूसरी यह है कि उन्होंने 'परिनिर्वृत' का वैकल्पिक अर्थ 'स्वस्थीभूत' किया है।

निर्युक्तिकार ने इन अध्ययनों को जिन-प्रज्ञप्त बतलाया है। शान्त्याचार्य ने 'जिन' शब्द का अर्थ 'श्रुत-जिन' अर्थात् श्रुत-केवली किया है।

निर्युक्तिकार के अभिमतानुसार ये छत्तीस अध्ययन श्रुतकेवली आदि स्थविरों द्वारा प्ररूपित हैं। उन्होंने इसकी भी कोई चर्चा नहीं की कि भगवान् ने अन्तिम देशना में इन छत्तीस अध्ययनों का प्ररूपण किया। बृहद्वृत्तिकार शान्त्याचार्य भी परिनिर्वाण के विषय में असंदिग्ध नहीं हैं। केवल चूर्णिकार ने अपना असंदिग्ध मत प्रकट किया है।

उत्तराध्ययन के अध्ययनों की संख्या ३६ होने के कारण सहज ही उस ओर ध्यान जाता है कि कल्पसूत्र में उल्लिखित ३६ अपृष्ट-व्याकरण ये ही होने चाहिए। यहां यह स्मरणीय है कि समवायांग में छत्तीस अपृष्ट-व्याकरणों का उल्लेख नहीं है। वहां केवल इतना ही बतलाया गया है कि भगवान् महावीर ने अन्तिम रात्रि के समय ५५ कल्याण-फल-विपाक वाले अध्ययनों तथा ५५ पापफल-विपाक वाले अध्ययनों का व्याकरण कर परिनिर्वृत हुए।५ समवायांग के छत्तीसवें समवाय में भी इसकी कोई चर्चा नहीं है।

उत्तराध्ययन की रचना तथा 'इइ एस धम्मे अक्खाए कविलेणं च विसुद्धपन्नेणं' जैसे उल्लेखों से यह प्रमाणित नहीं होता कि ये सब अध्ययन महावीर के द्वारा निरूपित हैं। निर्युक्ति के साक्ष्य में इसकी चर्चा हम पहले कर चुके हैं। अठारहवें अध्ययन के चौबीसवें श्‍लोक के प्रथम दो चरण वे ही हैं, जो छत्तीसवें अध्ययन के अंतिम श्‍लोक के हैं—

१८।२४ — ३६।२६८

इइ पाउकरे बुद्धे — इइ पाउकरे बुद्धे

नायए परिनिव्वुडे। — नायए परिनिव्वुए।

विज्जाचरणसंपन्ने — छत्तीसं उत्तरज्झाए

सच्चे सच्चपरक्कमे।। — भवसिद्धीयसंमए।।

अठारहवें अध्ययन के चौबीसवें श्‍लोक के पूर्वार्द्ध का जो अर्थ वृत्तिकार ने किया है, वही अर्थ छत्तीसवें श्‍लोक के पूर्वार्द्ध का होना चाहिए। वृत्तिकार ने चौबीसवें श्‍लोक के पूर्वार्द्ध की व्याख्या इस प्रकार की है—बुद्ध (अवगत तत्त्च), परिनिर्वृत (शीतीभूत), ज्ञातपुत्र महावीर ने इस तत्त्व का प्रज्ञापन किया है। इस अर्थ के संदर्भ में जब हम छत्तीसवें अध्ययन के अंतिम श्‍लोक को पढ़ते हैं, तब उससे यह फलित नहीं होता कि ज्ञातपुत्र महावीर छत्तीस अध्ययनों की प्रज्ञापना कर परिनिर्वाण को प्राप्त हुए।

महावीर की परम्परा में जो अर्थ-प्रतिपादन होता है, वह उनकी धर्मदेशना के आधार पर होता है। इसी पारंपरिक सत्य का उल्लेख उत्तराध्ययन के संकलनकर्त्ता ने अन्तिम श्‍लोक में किया है।

१२. महावीर वाणी का प्रतिनिधि सूत्र

अविकल उत्तराध्ययन भगवान् महावीर की प्रत्यक्ष वाणी भले न हो, किन्तु उसमें भगवान् महावीर की वाणी का जिस समीचीन पद्धति से संगुम्फन हुआ है, उसे देखकर सहज ही यह कहने को मन ललचा उठता है कि यह महावीर-वाणी का प्रतिनिधि सूत्र है।

अहिंसा, अपरिग्रह आदि तत्त्व नवीन नहीं हैं और भगवान् महावीर के समय में भी नवीन नहीं थे। उनसे पहले अनेक तीर्थंकर और धर्माचार्य उनका प्रयोग कर चुके थे। किन्तु भगवान् महावीर ने तात्कालिक परिस्थितियों के संदर्भ में उनको जो अभिव्यक्ति दी, वह उनका नवीन रूप है। भगवान् महावीर के समय की सामाजिक परिस्थिति में अहिंसा और अपरिग्रह के मुख्य बाधक-तत्त्व ये थे—

(१) दास-प्रथा

(२) जातिवाद

(३) पशुबलि

(४) अमित संग्रह

(५) दण्ड का उच्छृंखल प्रयोग

(६) अनियंत्रित भोग

इन बाधक तत्त्वों के निरसन के लिए भगवान् महावीर ने जिस विचारधारा का प्रतिपादन किया उसका हृदयग्राही संकलन उत्तराध्ययन में हुआ है।

पार्श्‍वनाथ के समय में चार महाव्रत थे और सामायिक चारित्र था। भगवान् महावीर ने महाव्रत पांच किए और छेदोपस्थापनीय चारित्र की व्यवस्था की। छेदोपस्थापनीय का अर्थ है—विभाग-युक्त चारित्र।

पूज्यपाद (वि. ५-६ शताब्दी) ने लिखा है : ''भगवान् महावीर ने चारित्र-धर्म के तेरह विभाग किए—पांच महाव्रत, पांच समितियां और तीन गुप्तियां। ये विभाग पार्श्‍वनाथ के समय में नहीं थे।'' उत्तराध्ययन में इनका सुव्यवस्थित प्रतिपादन हुआ है।

षड्जीवनिकायवाद महावीर के तत्त्ववाद का प्रधान अंग है। जीव विषयक इतना व्यवस्थित और विस्तृत प्रतिपादन अन्य किसी धर्म-परम्परा में नहीं था। आचार्य सिद्धसेन ने इसे भगवान् महावीर की सर्वज्ञता की कसौटी के रूप में प्रस्तुत किया है।

उत्तराध्ययन में जीव-विभक्ति का भी एक सुन्दर प्रकरण है। अजीव-विभक्ति, कर्मवाद, षड्द्रव्य, नव तत्त्व आदि-आदि भी समुचित रूपेण प्रतिपादित हुए हैं।

यद्यपि उत्तराध्ययन को धर्मकथानुयोग के अन्तर्गत रखा गया है, किन्तु अपने वर्तमान आकार में वह चारों अनुयोगों का संगम है। इस दृष्टि से इसे महावीर-वाणी (आगमों) का प्रतिनिधि सूत्र कहा जा सकता है।

१३. उत्तराध्ययन : आकार और विषय-वस्तु

उत्तराध्ययन के छत्तीस अध्ययन हैं। यह संकलित सूत्र है। इसका प्रारंभिक संकलन वीर-निर्वाण की पहली शताब्दी के पूर्वार्द्ध में हुआ। उत्तरकालीन संस्करण देवर्द्धिगणी के समय में सम्पन्न हुआ। वर्तमान अध्ययनों के नाम समवायांग तथा उत्तराध्ययन निर्युक्ति में मिलते हैं। उनमें क्‍वचित् थोड़ा अन्तर भी है—

समवायांग—उत्तराध्ययन निर्युक्ति

१. विणयसुयं—विणयसुयं

२. परीसह — परीसह

३. चाउरंगिज्जं—चउरंगिज्जं

४. असंखयं—असंख्यं

५. अकाममरणिज्जं— अकाममरणं

६. पुरिसविज्जा— नियंठ—खुड्डागनियंठ

७. उरब्भिज्जं—ओरब्भं

८. काविलिज्जं—काविलिज्जं

९. नमिपव्वज्जा—णमिपव्वज्जा

१०. दुमपत्तयं—दुमपत्तयं

११. बहुसुयपूजा—बहुसुयपुज्जं

१२. हरिएसिज्जं—हरिएस

१३. चित्तसंभूयं—चित्तसंभूइ

१४. उसुकारिज्जं—उसुआरिज्जं

१५. सभिक्खुगं—सभिक्खु

१६. समाहिठाणाइं—समाहिठाणं

१७. पावसमणिज्जं—पावसमणिज्जं

१८. संजइज्जं—सजईज्जं

१९. मियचारिता—मियचारिया

२०. अणाहपव्वज्जा—नियंठिज्जं (महानियंठ)

२१. समुद्दपालिज्जं—समुद्दपालिज्जं

२२. रहनेमिज्जं—रहनेमीयं

२३. गोयमकेसिज्जं—केसिगोयमिज्जं

२४. समितीओ—समिइओ

२५. जन्नतिज्जं—जन्नइज्जं

२६. सामायारी—सामायारी

२७. खलुंकिज्जं—खलुंकिज्जं

२८. मोक्खमग्गई—मुक्खगई

२९. अप्पमाओ—अप्पमाओ

३०. तवोमग्गो—तव

३१. चरणविही—चरण

३२. पमायठाणाइं—पमायठाणं

३३. कम्मपगडी—कमप्पयडी

३४. लेसज्झयणं—लेसा

३५. अणगारमग्गे—अणगारमग्गे

३६. जीवाजीवविभत्ती—जीवाजीवाविभत्ती

निर्युक्ति के अनुसार छत्तीस अध्ययनों का विषय-वर्णन इस प्रकार है।

अध्ययनविषय
१—विनय
२—प्राप्त-कष्ट-सहन का विधान।
३—चार दुर्लभ अंगों का प्रतिपादन।
४—प्रमाद और अप्रमाद का प्रतिपादन।
५—मरण-विभक्ति—अकाम और सकाममरण।
६—विद्या और आचरण।
७—रस-गृद्धि का परित्याग।
८—लाभ और लोभ के योग का प्रतिपादन।
९—संयम में निष्प्रकम्प भाव।
१०—अनुशासन।
११—बहुश्रुत की पूजा।
१२—तप का ऐश्‍वर्य
१३—निदान—भोग-संकल्प।
१४—अनिदान—भोग-असंकल्प।
१५—भिक्षु के गुण।
१६—ब्रह्मचर्य की गुप्तियां।
१७—पाप-वर्जन।
१८—भोग और ऋद्धि का त्याग।
१९—अपरिकर्म—देहाध्यास का परित्याग।
२०—अनाथता।
२१—विचित्र चर्या।
२२—चरण का स्थिरीकरण।
२३—धर्म—चातुर्याम और पंचयाम।
२४—समितियां-गुप्तियां।
२५—ब्राह्मण के गुण।
२६—सामाचारी।
२७—अशठता।
२८—मोक्ष-गति।
२९—आवश्यक में अप्रमाद।
३०—तप।
३१—चारित्र।
३२—प्रमाद-स्थान।
३३—कर्म।
३४—लेश्या।
३५—भिक्षु के गुण।
३६—जीव और अजीव का प्रतिपादन।

निर्युक्तिकार ने उत्तराध्ययन के प्रतिपाद्य के संक्षिप्त संकेत प्रस्तुत किए हैं। इनसे एक स्थूल-सी रूपरेखा हमारे सामने आ जाती है। विस्तार में जाएं तो उत्तराध्ययन का प्रतिपाद्य बहुत विशद है। भगवान् पार्श्‍व और भगवान् महावीर की धर्म-देशनाओं का स्पष्ट चित्रण यहां मिलता है। वैदिक और श्रमण संस्कृति के मतवादों का संवादात्मक शैली में इतना व्यवस्थित प्रतिपादन अन्य आगमों में नहीं है। इसमें धर्म-कथाओं, आध्यात्मिक-उपदेशों तथा दार्शनिक-सिद्धान्तों का आकर्षक योग है। इसे भगवान् महावीर की विचार-धारा का प्रतिनिधि सूत्र कहा जा सकता है।

१४. उत्तराध्ययन की कथाएं : तुलनात्मक दृष्टिकोण

भारतीय धर्मों की अनेक साहित्यिक शाखाएं हैं। उनमें अनेक कथाएं एक जैसी हैं। प्रस्तुत सूत्र में चार कथाएं ऐसी हैं, जो किंचित् रूपान्तर के साथ महाभारत और बौद्ध साहित्य में मिलती हैं। जैसे—

उत्तराध्ययन

१. हरिकेश बल (अ. १२)

२. चित्त-संभूत (अ. १३)

३. इषुकारीय (अ. १४)

४. नमि-प्रव्रज्या (अ. ९)

महाभारत

१. ×

२. ×

३. शान्तिपर्व, अ. १७५ शान्तिपर्व, अ. २७७

४. शान्तिपर्व, अ. १७८ तथा अ. २७६

जातक

१. मातंग (सं. ४९७)

२. चित्तसंभूत (सं. ४९८)

३. हस्तिपाल (सं. ५०९)

४. महाजन (सं. ५३९)

इनके सादृश्य का कारण पूर्वकालीन 'श्रमण-साहित्य' का स्वीकरण है। प्रत्येक-बुद्धों द्वारा रचित प्रकरण हजारों की संख्या में प्रचलित थे। उन्होंने भारतीय साहित्य की प्रत्येक धारा को प्रभावित किया था। मार्कण्डेय पुराण के पिता-पुत्र संवाद की तुलना उत्तराध्ययन के चौदहवें इषुकारीय अध्ययन गत पिता-पुत्र संवाद से करने पर दोनों का स्रोत एक ही परम्परा में प्राप्त होता है। इसकी विस्तृत चर्चा हमने 'उत्तराध्ययन : एक समीक्षात्मक अध्ययन' में की है।

१५. उत्तराध्ययन : व्याकरण-विमर्श

वर्तमान प्राकृत व्याकरण की अपेक्षा प्राचीन आगमों में कुछ विशिष्ट प्रयोग उपलब्ध होते हैं। उत्तराध्ययन भी उसी कोटि का आगम है। इसके अनेक स्थलों में विभक्ति-विहीन शब्द का प्रयोग है। अनेक स्थलों में ह्रस्व का दीर्घीकरण और दीर्घ का ह्रस्वीकरण है। संस्कृत तुल्य तथा प्राकृत व्याकरण से असिद्ध संधि-प्रयोग प्राप्त होते हैं। विभक्ति, वचन आदि का व्यत्यय भी विपुल मात्रा में मिलता है। इसमें समालोच्य शब्द भी प्रयुक्त हैं।

विभक्ति-विहीन शब्द-प्रयोग :

बुद्धपुत्त (१।७)

भाय (१।३९)

कल्लाण (१।३९)

भिक्खु (२।२२)

तेल्ल (१४।१८)

जीविय (३२।२०)

ह्रस्व का दीर्घीकरण :

समाययन्ती (४।२)

परत्था (४।५)

दुक्खपउराए (८।१)

जाईमय (१२।५)

अन्नमन्नमणूरत्ता (१३।५)

अग्गमाहिसी (१९।१)

दीर्घ का ह्रस्वीकरण :

पक्खिणि (१४/४१)

जिया (२२।१९)

पमाणि (२६।२७)

संस्कृत तुल्य संधि-प्रयोग :

सुइरादवि (७।१८)

प्राकृत व्याकरण से असिद्ध संधि-प्रयोग :

उवसग्गे+अभिधारए=उवसग्गाभिधारए (२।२१)

बुद्धेहि+आयरियं=बुद्धेहायरियं (१।४२)

विप्परियासं+उवेइ=विप्परियासुवेइ (२०।४६)

विभक्ति-व्यत्यय :

आणुपुव्विं (१।१)—यहां तृतीया के अर्थ में द्वितीया विभक्ति है।

अदीणमणसो (२।३)—यहां प्रथम के अर्थ में षष्ठी विभक्ति है।

सव्वदुक्खाणां (८।८)—यहां तृतीया के अर्थ में षष्ठी विभक्ति है।

चउदसहिं ठाणेहिं (११।६)—यहां सप्तमी के अर्थ में तृतीया विभक्ति है।

मुहाजीवी (२५।२७)—यहां द्वितीया के अर्थ में प्रथमा विभक्ति है।

चरमाणो (३०।२०)—यहां षष्ठी के अर्थ में प्रथमा विभक्ति है।

वचन-व्यत्यय :

विहन्नई (२।२२)—यहां बहुवचन के स्थान पर एकवचन है।

आहु (१२।२५)—यहां एकवचन के स्थान पर बहुवचन है।

तं (३६।४८)—यहां बहुवचन के स्थान पर एकवचन है।

परित्तसंसारी (३६।२६०)—यहां बहुवचन के स्थान पर एकवचन है।

अलाक्षणिक :

फरसु+आईहिं=फरसुमाईहिं (१९।६६)

मुट्ठि+आईहिं=मुट्ठिमाईहिं (१९।६७)

असजत्=संजए (२१।२०)

समालोच्य शब्द :

अप्पायंके (३।१८)—यहां 'अप्प' का प्रचलित अर्थ 'अल्प' प्राप्त नहीं होता। यहां यह शब्द निषेधार्थ में प्रयुक्त है।

सुदिट्ठं (१२।३८); सुजट्ठं (१२।४०)—इन दोनों में समान प्रयोग चाहिए। संभव है 'सुदिट्ठं' के स्थान में लिपि-दोष से 'सुजट्ठं' हो गया हो।

'उत्तराध्ययन : एक समीक्षात्मक अध्ययन' में हमने व्याकरण विषयक ऊहापोह विस्तार से किया है।

१६. उत्तराध्ययन : भाषा की दृष्टि से

उत्तराध्ययन की भाषा प्राकृत है। भरत मुनि ने अपने नाट्यशास्त्र में सात प्राकृतों का उल्लेख किया है—मागधी, आवन्ती, प्राच्या, शौरसेनी, अर्द्धमागधी, वाल्हीका और दाक्षिणात्या।

आचार्य हेमचन्द्र ने अपने व्याकरण में प्राकृत, शौरसेनी, मागधी, पैशाची, चूलिका-पैशाची और अपभ्रंश—इन छह प्राकृतों का उल्लेख किया है।

'षड्भाषाचन्द्रिका' में प्राकृत के ये ही छह विभाग मिलते हैं। वहां महाराष्ट्र की भाषा को प्राकृत, शूरसेन (मथुरा के आसपास के प्रदेश) की भाषा को शौरसेनी, मगध की भाषा को मागधी, पिशाच (पाण्ड्य, केकय आदि देशों) की भाषा को पेशाची और चूलिका पैशाची तथा आभीर आदि देशों की भाषा को अपभ्रंश कहा गया है।

भगवान् महावीर अर्द्धमागधी भाषा में बोलते थे। आगमों में स्थान-स्थान पर यही उल्लेख मिलता है।१ प्राचीन जैन आगमों की भाषा अर्द्धमागधी और मागधी रही है।

क्षेत्र की दृष्टि से अर्द्धमागधी उस भाषा का नाम है, जो आधे मगध में अर्थात् मगध के पश्‍चिमी भाग में व्यवहृत थी। इसमें मागधी भाषा के लक्षण प्राप्त थे, इसलिए प्रवृत्ति की दृष्टि से भी संभव है इसे अर्द्धमागधी कहा गया। भाषा-शास्त्रियों के अनुसार मागधी की तीन मुख्य विशेषताएं हैं—

(१) प्रथम विभक्ति में एकवचन में 'ओकार' के स्थान पर 'एकार होना।'

(२) 'र' का 'ल' होना।

(३) 'ष', 'स' के स्थान पर 'श' होना।

अर्द्धमागधी में प्रथम विशेषता बहुलता से मिलती है, दूसरी कहीं-कहीं मिलती है और तीसरी प्राय: नहीं मिलती।

जब जैन मुनि पूर्वी भारत से हट कर पश्‍चिमी भारत में विहार करने लगे तब उनकी मुख्य भाषा महाराष्ट्री-प्राकृत हो गई। अर्द्धमागधी और मागधी के लिखे हुए आगम भी उससे प्रभावित हुए। प्राकृत के रूपों में महाराष्ट्री ने उत्कर्ष भी प्राप्त कर लिया। महाकवि दण्डी ने भी इसका उल्लेख किया है—''महाराष्ट्राश्रयां, प्रकृष्टं प्राकृतं विदु:।''

फिर भी जैन आचार्यों को आगमों की मूल भाषा की विस्मृति नहीं हुई। वे समय के विविध परिवर्तनों में भी इसी तथ्य की पुनरावृत्ति करते रहे हैं कि आगमों की मूल भाषा अर्द्धमागधी है। प्रज्ञापना में अर्द्धमागधी भाषा बोलने वाले को 'भाषा-आर्य' कहा गया है। स्थानांग और अनुयोगद्वार में संस्कृत तथा प्राकृत को ऋषिभाषित कहा गया है। आचार्य हरिभद्र सूरि ने भाषा-आर्य की व्याख्या में संस्कृत और जोड़ा है। कुछ आचार्य पूर्वों की भाषा भी संस्कृत मानते हैं। इन सब तथ्यों के अध्ययन के उपरान्त भी हम इस तथ्य की विस्मृति नहीं कर सकते कि प्राचीन आगमों की भाषा अर्द्धमागधी थी।

अर्द्धमागधी और महाराष्ट्री

उत्तराध्ययन की भाषा महाराष्ट्री से प्रभावित अर्द्धमागधी है। अर्द्धमागधी और महाराष्ट्री का अन्तर निम्‍न प्रकार है :

अर्द्धमागधी

असंयुक्त 'क' को 'ग' या 'त' होता है—

कुमारगा (१४।११)

लोगो (१४।२२)

असंयुक्त 'ग' का लुक् नहीं होता—

कामभोगेसु (१४।६)

सगरो (१८।३५)

असंयुक्त 'च' और 'ज' के तकार-बहुल प्रयोग मिलते हैं—

तेगिच्छं (२।३३)

वितिगिच्छा (१६। सू. ४)

असंयुक्त 'त' का प्राय: लुक् नहीं होता—

अतरं (८।६)

असंयुक्त 'द' का प्राय: लुक् नहीं होता और कहीं-कहीं उसको 'त' हो जाता है।

उदगं (७।२३)

असंयुक्त 'प' को प्राय: 'व' हो जाता है—

महादीवो (२३।६६)

असंयुक्त 'य' का प्राय: लुक् नहीं होता और कहीं-कहीं उसको 'त' हो जाता है—

उवाया (३२।९)

असंयुक्त 'व' का प्राय: लुक् नहीं होता और कहीं-कहीं उसको 'त' हो जाता है—

पवरे (११।१६)

दिवायरे (११।२४)

प्रथमा के एकवचन में 'एकार' होता है—

कयरे (१२।६)

धीरे (१५।३)

महाराष्ट्री

'क' का प्राय: लुक् होता है—

अज्झावयाणं (१२।१६)

'ग' का प्राय: लुक् होता है—

भोए (१४।३७)

'च' और 'ज' का प्राय: लुक् होता है—

समुवाय (१४।३७)

बीयाइं (१२।१२)

'त' का प्राय: लुक् होता है—

पुरोहियं (१४।३७)

'द' का प्राय: लुक् होता है—

विइयाणि (१२।१३)

'प' का प्राय: लुक् होता है—

तउय (३६।७३)

'य' का प्राय: लुक् होता है—

काए (३६।८२)

आउ (७।१०)

'व' का प्राय: लुक् होता है—

चेय (२४।१६)

प्रथम के एकवचन में 'ओकार' होता है—

मणगुत्तो (१२।३)

शब्द भेद—

अध्ययअर्द्धमागधीनमहाराष्ट्री
कम्मुणा (२५।३१)कम्मेण
वेयसां (२५।१६)वेयाणं
विसालिसेहिं (३।१४)विसरिसेहिं
दुवालसंगं (२४।३)बारसंग (२३।७)
गेहिं (६।४)गिद्धी
सोही (३।१२)सुद्धी
तेगिच्छं (२।३३)चीइच्छं
मिलेक्खुया (१०।१६)मिलिच्छा, मिच्छा
माहणा (१२।१३)बंभणो (२५।१९)
पडुप्पन्नं (२९ सू. १३)पच्चुप्पन्न (७।९)

उत्तराध्ययन में अर्द्धमागधी के साथ-साथ महाराष्ट्री-प्राकृत के प्रयोग भी मिलते हैं। इसलिए भाषा की दृष्टि से इसे भाषा-द्वय की मिश्रित कृति कहा जा सकता है।

१७. उत्तराध्ययन के व्याख्या-ग्रंथ

जैन आगमों में उत्तराध्ययन सर्वाधिक प्रिय आगम है। उसकी प्रियता का कारण उसके सरल कथानक, सरस संवाद और सरस रचना-शैली है। उसकी सर्वाधिक प्रियता के साक्ष्य व्यापक अध्ययन-अध्यापन और विशाल व्याख्या-ग्रन्थ हैं। जितने व्याख्या-ग्रंथ उत्तराध्ययन के हैं, उतने अन्य किसी आगम के नहीं हैं।

१. निर्युक्ति :

यह उत्तराध्ययन के प्राप्त व्याख्या-ग्रन्थों में सर्वाधिक प्राचीन है। इसमें ५५७ गाथाएं हैं। यह लघु कृति है, किन्तु इसमें अनेक महत्त्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध हैं। इसलिए यह उत्तरवर्ती सभी व्याख्या-ग्रन्थों की आधार-भित्ति रही है। इसके कर्त्ता द्वितीय भद्रबाहु (वि. छठी शताब्दी) हैं।

२. चूर्णि :

यह प्राकृत-संस्कृत में लिखी गई उत्तराध्ययन की महत्त्वपूर्ण व्याख्या है। इसमें अन्तिम अठारह अध्ययनों की व्याख्या बहुत ही संक्षिप्त है। ग्रन्थ की प्रशस्ति में ग्रन्थकार ने अपना परिचय 'गोपालिक महत्तर शिष्य' के रूप में दिया है। इसका अस्तित्व-काल विक्रम की सातवीं शताब्दी है।

३. शिष्यहिता (बृहद्वृत्ति या पाइय-टीका) :

उत्तराध्ययन की संस्कृत-व्याख्याओं में यह सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण है। इसमें अवतरणात्मक कथाएं प्राकृत में गृहीत हैं। बृहद्वृत्तिकार ने अनेक बार 'वृद्धसम्प्रदायादवसेय:' या 'सम्प्रदायाकवसेय:' लिख कर उनका अवतरण किया है।

बृहद्वृत्तिकार के सामने चूर्णि के अतिरिक्त और भी कोई व्याख्या रही है, ऐसा प्रतीत होता है। नौवें अध्ययन के अट्ठाईसवें श्‍लोक की व्याख्या में—'तथा च वृद्धा:—लोमहारा: प्राणाहारा इति' ऐसा उल्लेख मिलता है। यह वाक्य चूर्णि का नहीं है। उसमें 'लोमहार' का अर्थ—'लोमहारा णाम पेल्लणमोसगा'—इन शब्दों में है।

इससे यह प्रमाणित होता है कि बृहद्वृत्ति में उद्धृत वाक्य चूर्णि से अतिरिक्त किसी दूसरी प्राचीन व्याख्या का है।

बृहद्वृत्तिकार ने 'वृद्ध' शब्द के द्वारा चूर्णिकार का भी उल्लेख किया है—'वृद्धास्तु व्याचक्षते—लोलुप्यमाणं ति लालप्यमानं भरणपोषणकुलसंताणेसु य तुब्भे भविस्सह त्ति।'

मिलाइए—उत्तराध्ययन चूर्णि, पृ. २२३ : 'लोलुप्पमाणं लोलुप्यमानं भरणपोसणकुलसंताणेसु य तुब्भे भविस्सह त्ति।'

ये बृहद्वृत्तिकार हैं वादी-बेताल शान्तिसूरि। इनका अस्तित्व-काल विक्रम की ११वीं शताब्दी है।

४. सुखबोधा :

यह बृहद्वृत्तिकार से समुद्धृत लघु वृत्ति है। इसके कर्त्ता नेमिचन्द्र सूरि हैं। सूरिपद-प्राप्ति से पूर्व इनका नाम देवेन्द्र था। इस वृत्ति का रचना-काल विक्रम सं. ११२९ है।

५. सर्वार्थसिद्धि :

इसके रचयिता भावविजय हैं। इनका रचना-काल विक्रम संवत् १६७९ है। इसमें कथाएं पद्यबद्ध हैं।

इनके अतिरिक्त और भी व्याख्या-ग्रंथ उपलब्घ होते हैं। वे सारे के सारे प्राय: इन्हीं मुख्य व्याख्या ग्रन्थों के उपजीवी हैं। हम उनका संक्षिप्त परिचय—नाम, कर्त्ता और रचना-काल के विवरण-सहित—नीचे प्रस्तुत कर रहे हैं :

६. अवचूरि — ज्ञानसागर — वि. सं. १५४१

७. वृत्ति — कमल संयम — वि. सं. १५५४

८. दीपिका — उदयसागर — वि. सं. १५४६

९. लघुवृत्ति — खरतर तपोरत्‍नवाचक — वि. सं. १५५०

१०. वृत्ति — कीर्तिवल्लभ — वि. सं. १५५२

११. वृत्ति — विनयहंस — वि. सं. १५६७-८१

१२. टीका — अजितदेव सूरि — वि. सं. १६२८

१३. दीपिका — हर्षकुल — १६वीं शताब्दी

१४. अवचूरि — अजितदेव सूरि

१५. टीका-दीपिका — माणिक्यशेखर सूरि

१६. दीपिका — लक्ष्मीवल्लभ — १८वीं शताब्दी

१७. वृत्ति-टीका — हर्षनन्दन — वि. सं. १७११

१८. वृत्ति — शान्तिभद्राचार्य

१९. टीका — मुनिचन्द्र सूरि

२०. अवचूरि — ज्ञानशीलगणी

२१. अवचूरि — वि. सं. १४९१

२२. बालावबोध — समरचन्द्र

२३. बालावबोध — कमललाभ — १६वीं शताब्दी

२४. बालावबोध — मानविजय — वि. सं. १७४१

इसके अतिरिक्त कुछ वृत्ति-टीकाएं, दीपिकाएं तथा अवचूरियां भी उपलब्ध होती हैं। कई में कर्त्ता का नाम नहीं है तो कई में रचना-काल का उल्लेख नहीं है। वे ये हैं—

व्याख्या-ग्रंथकर्त्तारचना-काल
मकरन्द टीकावि. सं. १७५०
दीपिकावि. सं. १६३७
वृत्ति-दीपिका
दीपिकावि. सं. १६४३
वृत्ति
अक्षरार्थ लवलेश
टब्बाआदिचंद्र या रायचंद्र
टब्बापार्श्‍वचन्द्र, धर्मसिंह१८वीं शताब्दी
वृत्तिमतिकीर्ति के शिष्य
भाषा पद्यसारब्रह्म ऋषिवि. सं. १५९९

तेरापंथ के चतुर्थ आचार्य श्रीमज्जयाचार्य (वि. सं. १८६०-१९३८) ने इस सूत्र के उनतीस अध्ययनों पर राजस्थानी भाषा में पद्य-बद्ध 'जोड़' की रचना की। यत्र-तत्र उन्होंने विषय को स्पष्ट करने के लिए वार्तिक भी लिखे हैं।

उपसंहार

प्रस्तुत भूमिका में उत्तराध्ययन का संक्षिप्त पर्यालोचन किया गया है। उनके छन्द आदि अनेक विषयों पर यहां कोई विमर्श नहीं किया गया है। इनका पर्यालोचन 'उत्तराध्ययन : एक समीक्षात्मक अध्ययन' में किया जा चुका है। इसलिए उनके अवलोकन की सूचना के साथ-साथ मैं इस विषय को सम्पन्न कर रहा हूं।

आचार्य तुलसी

♦

अनुक्रम

अनुक्रम

1. पहला अध्ययन : विनयश्रुत

2. दूसरा अध्ययन : परीषह-प्रविभक्ति

3. तीसरा अध्ययन : चतुरंगीय

4. चौथा अध्ययन : असंस्कृत

5. पांचवां अध्ययन : अकाममरणीय

6. छठा अध्ययन : क्षुल्लकनिर्ग्रन्थीय

7. सातवां अध्ययन : उरभ्रीय

8. आठवां अध्ययन : कापिलीय

9. नौवां अध्ययन : नमिप्रव्रज्या

10. दसवां अध्ययन : द्रुमपत्रक

11. ग्यारहवां अध्ययन : बहुश्रुतपूजा

12. बारहवां अध्ययन : हरिकेशीय

13. तेरहवां अध्ययन : चित्र-सम्भूतीय

14. चौदहवां अध्ययन : इषुकारीय

15. पन्द्रहवां अध्ययन : सभिक्षुक

16. सोलहवां अध्ययन : ब्रह्मचर्य-समाधि-स्थान

17. सतरहवां अध्ययन : पाप-श्रमणीय

18. अठारहवां अध्ययन : संजयीय

19. उन्नीसवां अध्ययन : मृगापुत्रीय

20. बीसवां अध्ययन : महानिर्ग्रन्थीय

21. इक्कीसवां अध्ययन : समुद्रपालीय

22. बावीसवां अध्ययन : रथनेमीय

23. तेवीसवां अध्ययन : केशि-गौतमीय

24. चौबीसवां अध्ययन : प्रवचन-माता

25. पचीसवां अध्ययन : यज्ञीय

26. छवीसवां अध्ययन : सामाचारी

27. सत्तावीसवां अध्ययन : खलुंकीय

28. अट्ठाईसवां अध्ययन : मोक्ष-मार्ग-गति

29. उनतीसवां अध्ययन : सम्यक्त्व-पराक्रम

30. तीसवां अध्ययन : तपो-मार्ग-गति

31. इकतीसवां अध्ययन : (चरण-विधि का निरूपण)

32. बत्तीसवां अध्ययन : प्रमाद-स्थान

33. तेतीसवां अध्ययन : कर्म-प्रकृति

34. चौतीसवां अध्ययन : लेश्या-अध्ययन

35. पैंतीसवां अध्ययन : अनगार-मार्ग-गति

36. छत्तीसवां अध्ययन : जीवाजीवविभक्ति

पहला अध्ययन : विनयश्रुत

01

पहला अध्ययन : विनयश्रुत

आमुख

चूर्णि के अनुसार इस अध्ययन का नाम 'विनयसूत्र' और निर्युक्ति तथा बृहद्वृत्ति के अनुसार 'विनयश्रुत' है।

समवायांग में भी इस अध्ययन का नाम 'विनयश्रुत' है। 'श्रुत' और 'सूत्र'—दोनों पर्यायवाची शब्द हैं। इस अध्ययन में विनय की श्रुति या सूत्रण है।

भगवान् महावीर की साधना-पद्धति का एक अंग

'तपोयोग' है। उसके बारह प्रकार हैं। उनमें आठवां प्रकार 'विनय' है। उसके सात रूप प्राप्त होते हैं :

१. ज्ञानविनय—ज्ञान का अनुवर्तन।

२. दर्शनविनय—दर्शन का अनुवर्तन।

३. चारित्रविनय—चारित्र का अनुवर्तन।

४. मनविनय—मन का अनुवर्तन।

५. वचन विनय—वचन का अनुवर्तन।

६. कायविनय—काया का अनुवर्तन।

७. लोकोपचारविनय—अनुशासन, शुश्रूषा और शिष्टाचार पालन।

बृहद्वृत्ति में 'विनय' के पांच रूप प्राप्त होते हैं।

१. लोकोपचारविनय।

२. अर्थविनय—अर्थ के लिए अनुवर्तन करना।

३. कामविनय—काम के लिए अनुवर्तन करना।

४. भयविनय—भय के लिए अनुवर्तन करना।

५. मोक्षविनय—मोक्ष के लिए अनुवर्तन करना। इस विनय के पांच प्रकार किए गए हैं—ज्ञानविनय, दर्शनविनय, चारित्रविनय, तपविनय और औपचारिकविनय।

इन दोनों वर्गीकरणों के आधार पर विनय के पांच अर्थ प्राप्त होते हैं—अनुवर्तन, प्रवर्तन, अनुशासन, शुश्रूषा और शिष्टाचार-परिपालन।

प्रस्तुत अध्ययन में इन सभी प्रकारों का प्रतिपादन हुआ है।

दूसरे श्‍लोक में 'विनीत' की परिभाषा लोकोपचारविनय के आधार पर की गई है। लोकोपचारविनय के सात विभाग हैं—

१. अभ्यासवृत्तिता—समीप रहना।

२. परछन्दानुवृत्तिता—दूसरे के अभिप्राय का अनुवर्तन करना।

३. कार्यहेतु—कार्य की सिद्धि के लिए अनुकूल वर्तन करना।

४. कृतप्रतिक्रिया—कृत उपकार के प्रति अनुकूल वर्तन करना।

५. आर्त्तगवेषणा—आर्त्त की गवेषणा करना।

६. देशकालज्ञता—देश और काल को समझना।

७. सर्वार्थ-अप्रतिलोमता—सब प्रकार के प्रयोजनों की सिद्धि के लिए अनुकूल वर्तन करना।

दूसरे श्‍लोक में दी हुई विनीत की परिभाषा से तीन विभाग—परछन्दानुवृत्तिता, अभ्यासवृत्तिता, देशकालज्ञता—क्रमश: आज्ञानिर्देशकर, उपपातकारक और इंगिताकार-सम्पन्न के रूप में प्रयुक्त हुए हैं।

दसवें श्‍लोक में 'मनविनय', 'वचनविनय' और 'ज्ञानविनय' का संक्षेप में बहुत सुन्दर निर्देश किया गया है।

इस प्रकार इस अध्ययन में विनय के सभी रूपों का सम्यक् संकलन हुआ है। प्राचीनकाल में विनय का बहुत मूल्य रहा है। तेईसवें श्‍लोक में बताया गया है कि आचार्य विनीत को विद्या देते हैं। अविनीत विद्या का अधिकारी नहीं माना जाता। इस अध्ययन से यह भी ज्ञात होता है कि गुरु शिष्य पर कठोर और मृदु—दोनों प्रकार का अनुशासन करते थे। (श्‍लोक २७)। समय की नियमितता भी विनय और अनुशासन की एक अंग थी :

कालेण निक्खमे भिक्खू, कालेण य पडिक्कमे।

अकालं च विवज्जित्ता, काले कालं समायरे।।१।३१।।

इस अध्ययन में स्वाध्याय और ध्यान दोनों का सम्मिलित उल्लेख मिलता है। आचार्य रामसेन ने लिखा है :

स्वाध्यायाद् ध्यानमध्यास्तां, ध्यानात् स्वाध्यायमामनेत्।

ध्यानस्वाध्यायसम्पत्या, परमात्मा प्रकाशते।।

स्वाध्याय के पश्‍चात् ध्यान और ध्यान के पश्‍चात् स्वाध्याय—इस प्रकार स्वाध्याय और ध्यान की पुनरावृत्ति से परमात्मस्वरूप उपलब्ध होता है।

यह परम्परा बहुत पुरानी है। इसका संकेत दसवें श्‍लोक में मिलता है—कालेण य अहिज्जित्ता, तओ झाएज्ज एगगो।

विनय के व्यापक स्वरूप को सामने रखकर ही यह कहा गया था—'विनय जिन-शासन का मूल है। जो विनयरहित है, उसे धर्म और तप कहां से प्राप्त होगा?'

आचार्य वट्टकेर ने विनय का उत्कर्ष इस भाषा में प्रस्तुत किया है—विनयविहीन व्यक्ति की सारी शिक्षा व्यर्थ है। शिक्षा का फल विनय है। यह नहीं हो सकता कि कोई व्यक्ति शिक्षित है और विनीत नहीं है। उनकी भाषा में शिक्षा का फल विनय और विनय का फल शेष समग्र कल्याण है।

विनय मानसिक दासता नहीं है, किन्तु वह आत्मिक और व्यावहारिक विशेषताओं की अभिव्यंजना है। उसकी पृष्ठभूमि में इतने गुण समाहित रहते हैं :

१. आत्मशोधि—आत्मा का परिशोधन।

२. निर्द्वन्द्व—कलह आदि द्वन्द्वों की प्रस्तुति का अभाव।

३. ऋजुता—सरलता।

४. मृदुता—निश्छलता और निरभिमानता।

५. लाघव—अनासक्ति।

६. भक्ति—भक्ति।

७. प्रह्लादकरण—प्रसन्नता।

विनय के व्यावहारिक फल हैं—कीर्ति और मैत्री। विनय करने वाला अपने अभिमान का निरसन, गुरुजनों का बहुमान, तीर्थंकर की आज्ञा का पालन और गुणों का अनुमोदन करता है।

सूत्रकार ने विनीत को वह स्थान दिया है, जो अनायास लभ्य नहीं है। सूत्र की परिभाषा है—'हवइ किच्चाणं सरणं, भूयाणं जगई जहा'—जिस प्रकार पृथ्वी प्राणियों के लिए आधार होती है, उसी प्रकार विनीत शिष्य धर्माचरण करने वालों के लिए आधार होता है।

पढमं अज्झयणं : विणयसुयं

पहला अध्ययन : विनयश्रुत

मूल

१. संजोगा विप्पमुक्कस्स, अणगारस्स भिक्खुणो।

विणयं पाउकरिस्सामि, आणुपुव्विं सुणेह मे।।

हिन्‍दी अनुवाद

जो संयोग से मुक्त है, अनगार है, भिक्षु है,१ उसके विनय को२ क्रमश: प्रकट करूंगा। मुझे सुनो।

२. आणानिद्देसकरे, गुरूणमुववायकारए।

इंगियागारसंपण्णे, से विणीए त्ति वुच्चई।।

जो गुरु की आज्ञा और निर्देश का पालन करता है३, गुरु की शुश्रूषा करता है,४ गुरु के इंगित और आकार को५ जानता है,६ वह 'विनीत' कहलाता है।

३. आणानिद्देसकरे, गुरूणमणुववायकारए।

पडिणीए असंबुद्धे, अविणीए त्ति वुच्चई।।

जो गुरु की आज्ञा और निर्देश का पालन नहीं करता, गुरु की शुश्रूषा नहीं करता,७ जो गुरु के प्रतिकूल वर्तन करता है और इंगित तथा आकार को नहीं समझता९ वह 'अविनीत' कहलाता है।

४. जहा सुणी पूइकण्णी, निक्कसिज्जइ सव्वसो।

एवं दुस्सीलपडिणीए, मुहरी निक्कसिज्जई।।

जैसे सड़े हुए कानों वाली कुतिया सभी स्थानों से निकाली जाती है,९ वैसे ही दु:शील,१० गुरु के प्रतिकूल वर्तन करने वाला और वाचाल भिक्षु११ गण से निकाल दिया जाता है।

५. कणकुंडगं चइत्ताणं, विट्ठं भुंजइ सूयरे।

एवं सीलं चइत्ताणं, दुस्सीले रमई मिए।।

जिस प्रकार सूअर चावलों की भूसी को१२ छोड़कर विष्ठा खाता है, वैसे ही अज्ञानी१३ भिक्षु शील को१४ छोड़कर दु:शील में रमण करता है।

६. सुणियाभावं साणस्स, सूयरस्स नरस्स य।

विणए ठवेज्ज अप्पाणं, इच्छंतो हियमप्पणो।।

अपनी आत्मा का हित१५ चाहने वाला भिक्षु कुतिया और सूअर की तरह दु:शील मनुष्य के अभाव (हीनभाव) को सुनकर१६ अपने आप को विनय में स्थापित करे।

७. तम्हा विणयमेसेज्जा, सीलं पडिलभे जओ।

बुद्धपुत्त नियागट्ठी, न निक्कसिज्जइ कण्हुई।।

इसलिए विनय का आचरण करे कि जिससे शील की प्राप्ति हो। जो बुद्धपुत्र (आचार्य का प्रिय शिष्य) और मोक्ष का अर्थी१७ होता है, वह कहीं से भी नहीं निकाला जाता।

८. निसन्ते सियामुहरी, बुद्धाणं अंतिए सया।

अट्ठजुत्ताणि सिक्खेज्जा, निरट्ठाणि उ वज्जए।।

भिक्षु आचार्य के समीप सदा प्रशान्त रहे, वाचालता न करे। उनके पास अर्थयुक्त पदों को सीखे और निरर्थक पदों का वर्जन करे।१८

९. अणुसासिओ न कुप्पेज्जा, खंतिं सेविज्ज पंडिए।

खुड्डेहिं सह संसग्गिं, हासं कीडं च वज्जए।।

पण्डित भिक्षु गुरु के द्वारा अनुशासित होने पर क्रोध न करे, क्षमा की आराधना करे। क्षुद्र व्यक्तियों के साथ संसर्ग, हास्य और क्रीड़ा१९ न करे।

१०. मा य चंडालियं कासी, बहुयं मा य आलवे।

कालेण य अहिज्जित्ता, तओ झाएज्ज एगगो।।

भिक्षु चण्डालोचित कर्म२० (क्रूर-व्यवहार) न करे। बहुत न बोले। स्वाध्याय के काल में स्वाध्याय करे और उसके पश्‍चात् अकेला ध्यान करे।२१

११. आहच्च चंडालियं कट्टु, न निण्हविज्ज कयाइ वि।

कडं कडे त्ति भासेज्जा, अकडं नो कडे त्ति य।।

भिक्षु सहसा चण्डालोचित कर्म कर उसे कभी भी न छिपाए। अकरणीय किया हो तो 'किया' और नहीं किया हो तो 'न किया' कहे।

१२. मा गलियस्से व कसं, वयणमिच्छे पुणो-पुणो।

कसं व दट्ठुमाइण्णे, पावगं परिवज्जए।।

जैसे अविनीत घोड़ा२२ चाबुक को बार-बार चाहता है, वैसे विनीत शिष्य गुरु के वचन (आदेश-उपदेश) को बार-बार न चाहे। जैसे विनीत घोड़ा चाबुक को देखते ही उन्मार्ग को छोड़ देता है, वैसे ही विनीत शिष्य गुरु के इंगित और आकार को देखकर अशुभ प्रवृत्ति को छोड़ दे२३।

१३. अणासवा थूलवया कुसीला, मिउं पि चंडं पकरेंति सीसा।

चित्ताणुया लहुदक्खोववेया, पसायए ते हु दुरासयं पि।।

आज्ञा को न मानने वाले और अंट-संट बोलने वाले कुशील शिष्य कोमल स्वभाव वाले गुरु को भी क्रोधी बना देते हैं। चित्त के अनुसार चलने वाले और पटुता से कार्य को सम्पन्न करने वाले शिष्य२४ दुराशय२५ गुरु को भी प्रसन्न कर लेते हैं।

१४. नापुट्ठो वागरे किंचि, पुट्ठो वा नालियं वए।

कोहं असच्चं कुव्वेज्जा, धारेज्जा पियमप्पियं।।

बिना पूछे कुछ भी न बोले।२६ पूछने पर असत्य न बोले। क्रोध आ जाए तो उसे विफल कर दे।२७ प्रिय और अप्रिय को धारण करे-राग और द्वेष न करे।२८

१५. अप्पा चेव दमेयव्वो, अप्पा हु खलु दुद्दमो।

अप्पा दंतो सुही होइ, अस्सिं लोए परत्थ य।।

आत्मा का ही दमन करना चाहिए२९, क्योंकि आत्मा ही दुर्दम है। दमित आत्मा ही इहलोक और परलोक में सुखी होता है।

१६. वरं मे अप्पा दंतो, संजमेण तवेण य।

माहं परेहि दम्मंतो, बंधणेहि वहेहि य।।

अच्छा यही है कि मैं संयम और तप के द्वारा अपनी आत्मा का दमन करूं।३० दूसरे लोग बंधन और वध के द्वारा मेरा दमन करें-यह अच्छा नहीं है।

१७. पडिणीयं च बुद्धाणं, वाया अदुव कम्मुणा।

आवी वा जइ वा रहस्से, नेव कुज्जा कयाइ वि।।

लोगों के समक्ष या एकान्त में, वचन से या कर्म से, कभी भी आचार्य के प्रतिकूल वर्तन न करे।३१

१८. न पक्खओ न पुरओ, नेव किच्चाण पिट्ठओ।

न जुंजे ऊरुणा ऊरुं, सयणे नो पडिस्सुणे।।

आचार्यों के३२ बराबर न बैठे। आगे और पीछे भी न बैठे। उनके ऊरु से अपना ऊरु सटाकर न बैठे। बिछौने पर बैठे-बैठे ही उनके आदेश को स्वीकार न करे, किन्तु उसे छोड़कर स्वीकार करे।३३

१९. नेव पल्हत्थियं कुज्जा, पक्खपिंडं व संजए।

पाए पसारिए वावि, न चिट्ठे गुरुणंतिए।।

संयमी मुनि गुरु के समीप पलथी लगाकर (घुटनों और जंघाओं के चारों ओर वस्त्र बांधकर) न बैठे। पक्ष-पिण्ड कर (दोनों हाथों से घुटनों और साथल को३४ बांधकर) तथा पैरों को फैलाकर न बैठे।

२०. आयरिएहिं वाहिंतो, तुसिणीओ न कयाइ वि।

पसायपेही नियागट्ठी, उवचिट्ठे गुरुं सया।।

आचार्यों के द्वारा बुलाए जाने पर३५ किसी भी अवस्था में मौन न रहे। गुरु के प्रसाद को चाहने वाला मोक्षाभिलाषी शिष्य सदा उनके समीप रहे।३६

२१. आलवंते लवंते वा, न निसीएज्ज कयाइ वि।

चइऊणमासणं धीरो, जओ जत्तं पडिस्सुणे।।

धृतिमान् शिष्य गुरु के साथ आलाप करते और प्रश्‍न पूछते३७ समय कभी भी बैठा न रहे, किन्तु वे जो आदेश दें, उसे आसन को छोड़कर संयतमुद्रा में यत्‍नपूर्वक स्वीकार करे।

२२. आसणगओ न पुच्छेज्जा, नेव सेज्जागओ कया।

आगम्मुक्कुडुओ संतो, पुच्छेज्जा पंजलीउडो।।

आसन पर अथवा शय्या पर बैठा-बैठा कभी भी गुरु से कोई बात न पूछे। उनके समीप आकर ऊकडू बैठ३८, हाथ जोड़कर पूछे।

२३. एवं विणयजुत्तस्स, सुत्तं अत्थं च तदुभयं।

पुच्छमाणस्स सीसस्स, वागरेज्ज जहासुयं।।

इस प्रकार जो शिष्य विनय-युक्त हो३९, उसके पूछने पर गुरु सूत्र, अर्थ और तदुभय४० (सूत्र और अर्थ दोनों) जैसे सुने हों, जाने हुए हों, वैसे बताए।

२४. मुसं परिहरे भिक्खू, न य ओहारिणिं वए।

भासादोसं परिहरे, मायं च वज्जए सया।।

भिक्षु असत्य का परिहार करे। निश्‍चयकारिणी भाषा न बोले। भाषा के दोषों को छोड़े। माया का सदा वर्जन करे।४१

२५. न लवेज्ज पुट्ठो सावज्जं, न निरट्ठं न मम्मयं।

अप्पणट्ठा परट्ठा वा, उभयस्संतरेण वा।।

किसी के पूछने पर भी अपने, पराए या दोनों के प्रयोजन के लिए अथवा अकारण ही४२ सावद्य न बोले, निरर्थक४३ न बोले और मर्मभेदी वचन४४ न बोले।

२६. समरेसु अगारेसु, संधीसु य महापहे।

एगो एगित्थिए सद्धिं, नेव चिट्ठे न संलवे।।

कामदेव के मंदिरों में, घरों में, दो घरों के बीच की संधियों में४५ और राजमार्ग में अकेला मुनि अकेली स्त्री के साथ न खड़ा रहे और न संलाप करे।

२७. जं मे बुद्धाणुसासंति, सीएण फरुसेण वा।

मम लाभो त्ति पेहाए, पयओ तं पडिस्सुणे।।

आचार्य मुझ पर कोमल या कठोर वचनों४६ से जो अनुशासन करते हैं वह मेरे लाभ के लिए है—ऐसा सोचकर, जागरूकता पूर्वक उनके वचनों को स्वीकार करे।

२८. अणुसासणमोवायं, दुक्कडस्स य चोयणं।

हियं तं मन्नए पण्णो, वेसं होइ असाहुणो।।

मृदु या कठोर वचनों से किया जाने वाला अनुशासन हित-साधन का उपाय और दुष्कृत का निवारक होता है। प्रज्ञावान् मुनि उसे हित मानता है। वही असाधु के लिए द्वेष का हेतु४७ बन जाता है।

२९. हियं विगयभया बुद्धा, फरुसं पि अणुसासणं।

वेसं तं होइ मूढाणं, खंतिसोहिकरं पयं।।

भयमुक्त४८ बुद्धिमान् शिष्य गुरु के कठोर अनुशासन को भी हितकर मानते हैं। परन्तु मोहग्रस्त व्यक्तियों के लिए वही-सहिष्णुता और चित्तविशुद्धि करने वाला, गुणवृद्धि का आधारभूत-अनुशासन द्वेष का हेतु बन जाता है।

३०. आसणे उवचिट्ठेज्जा, अणुच्चे अकुए थिरे।

अप्पुट्ठाई निरुट्ठाई, निसीएज्जप्पकुक्कुए।।

जो गुरु के आसन से नीचा हो, अकम्पमान हो और स्थिर हो (जिसके पाये धरती पर टिके हुए हों), वैसे आसन पर बैठे, प्रयोजन होने पर भी बार-बार न उठे और प्रयोजन के बिना तो उठे ही नहीं। बैठे तब स्थिर एवं शांत होकर बैठे, हाथ-पैर आदि से चपलता न करे।४९

३१. कालेण निक्खमे भिक्खू, कालेण य पडिक्कमे।

अकालं च विवज्जित्ता, काले कालं समायरे।।

समय पर भिक्षा के लिए निकले, समय पर लौट आए। अकाल को वर्जनकर, जो कार्य जिस समय का हो, उसे उसी समय करे।५०

३२. परिवाडीए न चिट्ठेज्जा, भिक्खू दत्तेसणं चरे।

पडिरूवेण एसित्ता, मियं कालेण भक्खए।।

भिक्षु परिपाटी (पंक्ति) में खड़ा न रहे।५१ गृहस्थ के द्वारा दिए हुए आहार की एषणा करे। प्रतिरूप (मुनि के वेष) में५२ एषणा कर यथासमय मित आहार करे।

३३. नाइदूरमणासन्ने, नन्नेसिं चक्खुफासओ।

एगो चिट्ठेज्ज भत्तट्ठा, लंघिया तं नइक्कमे।।

हले से ही अन्य भिक्षु खड़े हों तो उनसे अति दूर या अति समीप खड़ा न रहे और देने वाले गृहस्थों की दृष्टि के सामने भी न रहे। किन्तु अकेला (भिक्षुओं और दाता दोनों की दृष्टि से बचकर) खड़ा रहे। भिक्षुओं को लांघकर भक्त लेने के लिए न जाए।५३

३४. नाइउच्चे व नीए वा, नासन्ने नाइदूरओ।

फासुयं परकडं पिंडं, पडिगाहेज्ज संजए।।

संयमी मुनि प्रासुक और गृहस्थ के लिए बना हुआ आहार ले किन्तु अति ऊंचे या अति नीचे स्थान से लाया हुआ तथा अति समीप या अति दूर से दिया जाता हुआ आहार न ले।५४

३५. अप्पपाणेप्पबीयंमि, पडिच्छन्नंमि संवुडे।

समयं संजए भुंजे, जयं अपरिसाडयं।।

संयमी मुनि प्राणी और बीज रहित,५५ ऊपर से ढके हुए और पार्श्‍व में भित्ति आदि से संवृत५६ उपाश्रय में अपने सहधर्मी मुनियों के साथ, भूमि पर न गिराता हुआ, यत्‍नपूर्वक आहार करे।५७

३६. सुकडे त्ति सुपक्के त्ति, सुच्छिन्ने सुहडे मडे।

सुणिट्ठिए सुलट्ठे त्ति, सावज्जं वज्जए मुणी।।

बहुत अच्छा किया है (भोजन आदि), बहुत अच्छा पकाया है (घेवर आदि), बहुत अच्छा छेदा है (पत्ती का साग आदि), बहुत अच्छा हरण किया है (साग की कड़वाहट आदि), बहुत अच्छा मरा है (चूरमे में घी आदि), बहुत अच्छा रस निष्पन्न हुआ है, (जलेबी आदि में) बहुत इष्ट है—मुनि इन सावद्य वचनों का प्रयोग न करे।५८

३७. रमए पंडिए सासं, हयं भद्दं व वाहए।

बालं सम्मइ सासंतो, गलियस्सं व वाहए।।

जैसे—उत्तम घोड़े को हांकते हुए उसका वाहक आनन्द पाता है, वैसे ही पंडित (विनीत) शिष्य पर अनुशासन करता हुआ गुरु आनन्द पाता है। जैसे दुष्ट घोड़े को हांकते हुए उसका वाहक खिन्न होता है, वैसे ही बाल (अविनीत) शिष्य पर अनुशासन करता हुआ गुरु खिन्न होता है।५९

३८. खड्डुया मे चवेडा मे, अक्कोसा य वहा य मे।

कल्लाणमणुसासंतो, पावदिट्ठि त्ति मन्नई।।

पाप-दृष्टि वाला शिष्य गुरु के कल्याणकारी अनुशासन को भी ठोकर मारने, चांटा चिपकाने, गाली देने व प्रहार करने के समान मानता है।६०

३९. पुत्तो मे भाय नाइ त्ति, साहू कल्लाण मन्नई।

पावदिट्ठी उ अप्पाणं, सासं दासं व मन्नई।।

गुरु मुझे पुत्र, भाई और स्वजन की तरह अपना समझ कर शिक्षा देते हैं-ऐसा सोच विनीत शिष्य उनके अनुशासन को कल्याणकारी मानता है, परन्तु कुशिष्य हितानुशासन से शासित होने पर अपने को दास तुल्य मानता है।६१

४०. न कोवए आयरियं, अप्पाणं पि न कोवए।

बुद्धोवघाई न सिया, न सिया तोत्तगवेसए।।

शिष्य आचार्य को कुपित न करे। स्वयं भी कुपित न हो। आचार्य का उपघात करनेवाला न हो।६२ उनका छिद्रान्वेषी६३ न हो।

४१. आयरियं कुवियं नच्चा, पत्तिएण पसायए।

विज्झवेज्ज पंजलिउडो, वएज्ज न पुणो त्ति य।।

आचार्य को कुपित हुए६४ जानकर विनीत शिष्य प्रतीतिकारक (या प्रीतिकारक) वचनों से उन्हें प्रसन्न करे। हाथ जोड़कर६५ उन्हें शांत करे और यों कहे कि ''मैं पुन: ऐसा नहीं करूंगा।''

४२. धम्मज्जियं च ववहारं, बुद्धेहायरियं सया।

तमायरंतो ववहारं, गरहं नाभिगच्छई।।

जो व्यवहार धर्म६६ से अर्जित हुआ है, जिसका तत्त्वज्ञ आचार्यों ने सदा आचरण किया है, उस व्यवहार का आचरण करता हुआ मुनि कहीं भी गर्हा को प्राप्त नहीं होता।

४३. मणोगयं वक्कगयं, जाणित्तायरियस्स उ।

तं परिगिज्झ वायाए, कम्मुणा उववायए।।

आचार्य के मनोगत और वाक्यगत भावों को जानकर, उनको वाणी से ग्रहण करे और कार्यरूप में परिणत करे।

४४. वित्ते अचोइए निच्चं, खिप्पं हवइ सुचोइए।

जहोवइट्ठं सुकयं, किच्चाइं कुव्वई सया।।

जो विनय से प्रख्यात होता है वह सदा बिना प्रेरणा दिए ही कार्य करने में प्रवृत्त होता है। वह अच्छे प्रेरक गुरु की प्रेरणा पाकर तुरन्त ही उनके उपदेशानुसार भलीभांति कार्य६७ सम्पन्न कर लेता है।

४५. नच्चा नमइ मेहावी, लोए कित्ती से जायए।

हवई किच्चाणं सरणं, भूयाणं जगई जहा।।

मेधावी मुनि उक्त विनय-पद्धति को जानकर उसे क्रियान्वित करने में तत्पर हो जाता है। उसकी लोक में कीर्ति होती है। जिस प्रकार पृथ्वी प्राणियों के लिए आधार होती है, उसी प्रकार वह आचार्यों के लिए आधारभूत बन जाता है।

४६. पुज्जा जस्स पसीयंति, संबुद्धा पुव्वसंथुया।

पसन्ना लाभइस्संति, विउलं अट्ठियं सुयं।।

उस पर तत्त्ववित् पूज्य आचार्य प्रसन्न होते हैं।६८ अध्ययन काल से पूर्व ही वे उसके विनय समाचरण से परिचित होते हैं। वे प्रसन्न होकर६९ उसे मोक्ष के हेतुभूत७० विपुल श्रुतज्ञान का लाभ करवाते हैं।

४७. स पुज्जसत्थे सुविणीयसंसए, मणोरुई चिट्ठइ कम्मसंपया।

तवोसमायारिसमाहिसंवुडे, महज्जुई पंचवयाइं पालिया।।

वह पूज्य-शास्त्र७१ होता है—उसके शास्त्रीय ज्ञान का बहुत सम्मान होता है। उसके सारे संशय मिट जाते हैं।७२ वह गुरु के मन को भाता है। वह कर्म-सम्पदा (दस विध सामाचारी) से सम्पन्न७३ होकर रहता है। वह तप:सामाचारी और समाधि से संवृत होता है। वह पांच महाव्रतों का पालन कर महान् तेजस्वी हो जाता है।७४

४८. स देवगन्धव्वमणुस्सपूइए, चइत्तु देहं मलपंकपुव्वयं।

सिद्धे वा हवइ सासए, देवे वा अप्परए महिड्ढिए।।

देव, गन्धर्व और मनुष्यों से पूजित वह विनीत शिष्य मल और पंक से बने हुए शरीर को त्यागकर या तो शाश्‍वत सिद्ध होता है या अल्पकर्मवाला महर्द्धिक देव होता है।७५

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १ : विनयश्रुत

१. (संजोगा विप्पमुक्कस्स, अणगारस्स भिक्खुणो)

संयोग का अर्थ है—संबंध। वह दो प्रकार का होता है—बाह्य और आभ्यन्तर। माता-पिता आदि का पारिवारिक सम्बन्ध 'बाह्य संयोग' है और विषय, कषाय आदि का संबंध 'आभ्यन्तरिक संयोग' है। भिक्षु को इन दोनों संयोगों से मुक्त होना चाहिए।

वृक्ष चलते नहीं, इसीलिए उन्हें 'अग' कहा जाता है। प्राचीन काल में प्राय: घर वृक्ष की लकड़ी (काठ) से बनाए जाते थे, इसलिए घर का नाम 'अगार' हुआ। जिसके 'अगार' नहीं होता, वह 'अनगार' है।

प्रवृत्ति-लभ्य अर्थ की दृष्टि से 'अनगार और भिक्षु' दोनों शब्द एकार्थवाची हैं। शान्त्याचार्य ने बताया है कि यहां 'अनगार' का व्युत्पत्ति-लभ्य अर्थ लेना चाहिए, अन्यथा दो शब्दों की सार्थकता सिद्ध नहीं होती। 'अगार' का अर्थ है 'घर'। जिसके 'घर' न हो वह 'अनगार' कहलाता है।

नेमिचंद्र के अनुसार भिक्षु दूसरों के बने हुए घरों में रहते हुए भी उन पर ममत्व नहीं करता, इसलिए वह 'अनगार' है।

शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप में 'अणगार' और 'अस्सभिक्खु' ऐसा पदच्छेद किया है। जो भिक्षा लेने के लिए जाति, कुल आदि जताकर दूसरों को आत्मीय न बनाए, उसे 'अ-स्वभिक्षु' (मुधाजीवी) कहा जाता है।

संयोगों से विप्रमुक्त, अनगार और भिक्षु—ये तीनों शब्द महत्त्वपूर्ण हैं। इन तीनों का पौर्वापर्य सम्बन्ध है। जो व्यक्ति सभी प्रकार के संयोगों से विप्रमुक्त होता है, उसके लिए सामाजिक जीवन की समाप्ति हो जाती है। समाज का अर्थ है—संबंध चेतना का विकास। मुनि सामाजिक नहीं होता। वह किसी भी प्रकार से संबद्ध नहीं होता। वह संबंधातीत जीवन जीता है। यह मुनि बनने की प्रथम भूमिका है। जो सम्बन्ध—मुक्त होता है, वह अकिंचन होता है। उसका अपना घर भी नहीं होता। वह अनगार होता है। फिर प्रश्‍न होता है कि जब व्यक्ति संबंधातीत हो चुका होता है, जिसके कोई घर नहीं है, तो उसकी आजीविका कैसे चलती है? इसके उत्तर में कहा गया है कि वह भिक्षाचारी हो, भिक्षा से अपना जीवन निर्वाह करे।

इस प्रकार ये तीनों शब्द एक ही श्रृंखला में श्रृंखलित हैं। एक शब्द में कहा जा सकता है कि जो सम्बन्धातीत जीवन जीता है, उसके पास अपना कुछ भी नहीं होता, घर भी नहीं होता, किन्तु वह सम्पूर्ण विश्‍व की सम्पदा का सहज स्वामी बन जाता है।

'अकिञ्चनोहमित्यास्व, त्रैलोक्याधिपतिर्भवेत्।

योगिगम्यमिदं तथ्यं, रहस्यं परमात्मन:।।'

२. विनय को (विणयं)

शान्त्याचार्य ने इसके संस्कृत रूप दो किए हैं—विनय और विनत। विनय का अर्थ है—आचार और विनत का अर्थ है—नम्रता।

सुदर्शन सेठ ने थावच्चापुत्र से पूछा—''भंते! आपके धर्म का मूल क्या है?'' थावच्चापुत्र ने कहा—''सुदर्शन! हमारे धर्म का मूल-विनय है। वह दो प्रकार का है—अगारविनय और अनगारविनय। बारह व्रत और ग्यारह उपासक प्रतिमाएं—यह 'अगारविनय' है और पांच महाव्रत, छठा रात्रिभोजन—विरमण व्रत, अठारह पापों का विरमण, दस प्रत्याख्यान और बारह भिक्षु प्रतिमाएं—यह 'अनगारविनय' है।

औपपातिक में विनय के सात प्रकार बताए हैं—ज्ञानविनय, दर्शनविनय, चरित्रविनय, मनविनय, वचनविनय, कायविनय और लोकोपचारविनय। प्रस्तुत अध्ययन में विनय के दोनों अर्थों—आचार और नम्रता पर प्रकाश डाला गया है।

३. जो गुरु की आज्ञा और निर्देश का पालन करता है (आणानिद्देसकरे)

चूर्णि के अनुसार 'आज्ञा' और 'निर्देश' समान अर्थवाची है। वैकल्पिक रूप में वहां आज्ञा का अर्थ—आगम का उपदेश और निर्देश का अर्थ—आगम से अविरुद्ध गुरु-वचन किया गया है।

शान्त्याचार्य ने आज्ञा का मुख्य अर्थ-आगमोक्त विधि और निर्देश का अर्थ-प्रतिपादन किया है। गौण रूप में आज्ञा का अर्थ-गुरुवचन और निर्देश का अर्थ-''मैं यह कार्य आपके अनुसार ही करूंगा''—इस प्रकार का निश्‍चयात्मक विचार प्रकट करना है।

उनके सामने 'आणानिद्देसयरे' पाठ था। अत: उन्होंने 'यर' शब्द के 'कर' और 'तर' दोनों रूपों की व्याख्या की है—आज्ञा-निर्देश को करने वाला और आज्ञा-निर्देश के द्वारा संसार-समुद्र को तरने वाला। आगे लिखा है कि भगवद्वाणी के अनन्त पर्याय होने के कारण अनेक व्याख्या-भेद संभव हो सकते हैं। किन्तु मन्दमतियों के लिए यह व्यामोह का हेतु न बन जाए, इसलिए प्रत्येक सूत्र की व्याख्या में अनेक विकल्प करने का प्रयत्‍न नहीं किया है।

४. शुश्रूषा करता है (उववायकारए)

चूर्णि में इसका अर्थ 'शुश्रूषा करने वाला' और टीका में इसका अर्थ 'समीप रहने वाला' जहां बैठा हुआ गुरु को दीखे और उनका शब्द सुन सके, वहां रहने वाला अर्थात् आदेश के भय से दूर न 'बैठने वाला' किया गया है। उपपात, निर्देश, आज्ञा और विनय इन्हें एकार्थक भी माना गया है।

५. इंगित और आकार को (इंगियागार)

इंगित और आकार-ये दोनों शब्द शरीर की चेष्टाओं के वाचक हैं। किसी कार्य की प्रवृत्ति और निवृत्ति के लिए शिर आदि को थोड़ा-सा हिलाना इंगित है। यह चेष्टा सूक्ष्म होती है। इसे निपुण-मति वाले लोग ही समझ सकते हैं।

आकार को स्थूल बुद्धिवाले लोग भी पकड़ सकते हैं। आसन को शिथिल करते हुए देख सहज ही यह जाना जा सकता है कि ये प्रस्थान करना चाहते हैं। इसी प्रकार दिशाओं को देखना, जम्भाई लेना और चादर ओढ़ना-ये सब प्रस्थान की सूचना देने वाले 'आकार' हैं।

इंगित और आकार पर्यायवाची भी माने गए हैं।

६. जानता है (संपन्ने)

चूर्णि और सुखबोधा में इसका अर्थ 'युक्त' और बृहद्वृत्ति में 'सम्प्रज्ञ' (जानने वाला) एवं 'युक्त'-दोनों अर्थ किए गए हैं। यहां बृहद्वृत्ति का सम्प्रज्ञ अर्थ अधिक उपयुक्त लगता है।

७. गुरु की शुश्रूषा नहीं करता (गुरूणमणुववायकारए)

अविनीत शिष्य का गुरु की उपासना में मन नहीं लगता। वह गुरु से मानसिक दूरी बनाए रखता है। उसके मन में सदा यह भाव बना रहता है कि यदि मैं गुरु की उपासना करूंगा तो उपालंभ देने का मौका अधिक मिलेगा। वह इस सत्य को विस्मृत कर देता है कि गुरु की प्रताड़ना में भी व्यक्ति का विकास एवं हित निहित है। नीति का यह प्रसिद्ध श्‍लोक इसी तथ्य को प्रतिध्वनित करता है—

त्रीभिर्गुरूणां परुषाक्षराभि:, प्रताडिता: यान्ति नरा: महत्त्वम्।

अलब्धशाणोत्कषणा नृपाणां, न जातु मौलौ मणयो वसन्ति।।

८. (पडिणीए असंबुद्धे)

जो गुरु की आज्ञा के प्रतिकूल वर्तन करता है, गुरु के कथन का प्रतिवाद करता है और जो सदा गुरु के दोष देखता रहता है, वह प्रत्यनीक कहलाता है।

जो मुनि गुरु के इंगित और आकार का सम्यक् अवबोध नहीं करता, वह असंबुद्ध होता है।

यह श्‍लोक पूर्ववर्ती श्‍लोक का प्रतिपक्षी है। वृत्ति में प्रत्यनीकता को समझाने के लिए 'कूलवालक श्रमण' की कथा दी है। वह इस प्रकार है—

एक आचार्य थे। उनका शिष्य अत्यंत अविनीत था। आचार्य यदाकदा उसे उपालम्भ देते और वह आचार्य पर द्वेषभाव रखता था। एक बार आचार्य उसको साथ ले सिद्धशैल की वंदना करने गए। वे वन्दन कर पर्वत से नीचे उतर रहे थे। आचार्य आगे थे। शिष्य पीछे-पीछे आ रहा था। उसके मन में द्वेष उभरा और उसने आचार्य को मारने के लिए एक शिलाखंड को नीचे लुढ़काया। आचार्य ने देखा। उन्होंने पैर पसार लिए। शिलाखंड पैरों के बीच से नीचे चला गया। अन्यथा वे मर जाते। शिष्य की इस जघन्यता से कुपित होकर उन्होंने शाप दिया-'दुष्ट! तेरा विनाश स्त्री के कारण होगा।' शिष्य ने सुना, आचार्य का वचन मिथ्या हो, इस दृष्टि से वह तापसों के एक आश्रम में रहने लगा। पास में एक नदी थी। वह नदी के चर में आतापना लेने लगा। जब कोई सार्थवाह उधर से निकलता तब उसे आहार उपलब्ध होता था। नदी के कूल पर आतापना लेने के प्रभाव से नदी ने अपना प्रवाह बदल दिया। उसका नाम हो गया-कूलवालय अर्थात् कूल को मोड़ देने वाला।

महाराज श्रेणिक का पुत्र कोणिक वैशाली नगरी को अपने अधीन करना चहता था। पर वह वैसा कर नहीं सका, क्योंकि वहां मुनिसुव्रत स्वामी का स्तूप था। कोणिक हताश हो गया। एक बार देववाणी हुई-'यदि श्रमण कूलवालक गणिका के वशवर्ती हो जाएं तो वैशाली नगरी को अधीनस्थ किया जा सकता है।' कोणिक ने गणिकाओं को बुलाया। एक गणिका ने इस कार्य को संपन्न करने की स्वीकृति दी। उसने कपट-श्राविका का रूप बनाया। सार्थ के साथ वह कूलवालक के पास गई और वन्दना कर बोली-'मेरा पति दिवंगत हो गया है। मैं तीर्थाटन करने निकली हूं। आपकी बात सुनी और मैं यहां आ गई। आप कृपा कर मेरे हाथ से दान लें।' उस दिन श्रमण के पारणक था। श्राविका ने औषधिमिश्रित मोदक दिए। श्रमण को अतिसार हो गया। औषधि के प्रयोग से श्रमण स्वस्थ हुआ। अनुराग बढ़ा। श्राविका प्रतिदिन मुनि का उद्वर्तन करती। मुनि का मन विचलित हो गया। वह श्रमण को ले कोणिक के पास आई। उससे सारी जानकारी प्राप्त कर कोणिक ने मुनिसुव्रत के स्तूप को ध्वस्त कर दिया और वैशाली नगरी पर अधिकार पा लिया।'

९. (जहा सुणी पूइकण्णी निक्कसिज्जइ सव्वसो)

पूति शब्द के दो अर्थ हैं—(१) कानों में जब —मि उत्पन्न हो जाते हैं तब उनसे दुर्गन्ध फूटने लगती है। (२) जब कानों में पीब पड़ जाती है तब भयंकर दुर्गन्ध आने लगती है। तात्पर्य में इसका अर्थ होगा-वह कुतिया जिसके शरीर के सारे अवयव सड़-गल गए हों।

ऐसी कुतिया सभी स्थानों से निकाल दी जाती है। इसी प्रकार अविनीत सर्वत्र तिरस्कार का पात्र होता है। उसे कहीं भी सम्मान नहीं मिलता। आचार्य भिक्षु ने इसी श्‍लोक के मंतव्य को सरल अभिव्यक्ति दी है—

कुह्या काना री कूतरी, तिणरे झरै कीड़ा राध लोही रे।

सगले ठाम स्यूं काढे हुड हुड करे, घर में आवण न दे कोई रे।।

धिग धिग अविनीत आतमा।।

चूर्णिकार और वृत्तिकार के अनुसार 'शुनी' शब्द का प्रयोग अत्यंत गर्हा एवं कुत्सा को व्यक्त करने के लिए किया गया है।

सुश्रुत में 'पूतिकर्ण' को कान का रोग माना है, जिसमें पीब बहती है।

'सव्वसो' शब्द के तीन अर्थ प्राप्त हैं—

१. सभी स्थानों से।

२. सभी प्रकार से।

३. सभी अवस्थाओं में।

१०. दु:शील (दुस्सील)

शील के तीन अर्थ हैं—स्वभाव, समाधि और आचार। जिसका शील राग-द्वेष तथा अन्यान्य दोषों से विकृत होता है वह दु:शील कहलाता है।

आचार या चारित्र विनय के पर्यायवाची हैं। वे परस्पर जुड़े हुए हैं। विनय शील का ही एक अंग है। विनय की फलश्रुति है—चारित्र। जो अविनीत होता है, वह दु:शील होता है। दु:शील व्यक्ति विनाश को प्राप्त होता है। प्राचीन श्‍लोक है—

वृत्तं यत्‍नेन संरक्षेत्, वित्तमायाति याति च।

अक्षीणो वित्तत: क्षीणो, वृत्ततस्तु हतो हत:।।

बौद्ध साहित्य में मानसिक, वाचिक और कायिक अनाचार को दु:शील माना है।

११. वाचाल भिक्षु (मुहरी)

अविनीत व्यक्ति वाचाल होता है। वाचालता से व्यक्ति की लघुता सामने आती है। नीति का प्रसिद्ध श्‍लोक है—

मौखर्यं लाघवकरं, मौनमुन्नतिकारकम्।

मुखरौ नूपुरो पादे, हार: कण्ठे विराजते।।

वृत्तिकार ने 'मुहरी' शब्द के तीन संस्कृत रूप देकर, तीन भिन्न-भिन्न अर्थ किए हैं—

१. मुखारि—जिसका मुंह ही अरि—शत्रु है अथवा जिसका मुंह (वचन) इहलोक और परलोक का अपकार करने वाला है।

२. मुधारि—असंबद्ध भाषा बोलने वाला।

३. मुखर—वाचाल।

१२. चावलों की भूसी को (कणकुण्डगं)

चूर्णि और टीका में इसके दो अर्थ किए गए हैं—चावलों की भूसी अथवा चावलमिश्रित भूसी। चूर्णिकार ने इसे पुष्टिकारक तथा सूअर का प्रिय भोजन कहा है।

श्रावक धर्म-विधि प्रकरण में एक कथा आई है, जिसका आशय है कि एक राजा को खाने की तीव्र इच्छा उत्पन्न हुई। उसने विविध प्रकार के भोजन बनवाए। वह सब कुछ खा गया। यहां तक कि 'कण-कुण्डग', मंडक आदि भी खा गया। इस कथानक से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि 'कण-कुण्डग' चावलों का कुण्डा नहीं पर कोई खाद्य विशेष था।

कौटिल्य अर्थशास्त्र में कण-कुण्डक शब्द कई स्थानों में आया है (२।१५।५२,५६; २/२९/४३)। यहां कुण्डक का अर्थ—'लाल चूर्ण जो कि छिलके के अन्दर चावल से चिपटा रहता है'—किया है। जातक में 'आचामकुण्डक' शब्द आया है। वहां आचाम का अर्थ 'चावल का मांड' है। आयाम का अर्थ 'चावल से बना हुआ यूष' भी है।

१३. अज्ञानी (मिए)

मृग शब्द के दो अर्थ हैं—हरिण और पशु। प्रस्तुत प्रसंग में पशु की लाक्षणिक विवक्षा से इसका अर्थ है—अज्ञानी या विवेकहीन व्यक्ति। वृत्तिकार ने अविनीत अर्थ ग्रहण किया है।

१४. शील को (सीलं)

शील का अर्थ है—आचार अथवा संयम। मुनि का सम्पूर्ण आचार या संयम 'शील' शब्द से अभिहित होता है। प्रस्तुत प्रसंग में यह शब्द 'विनीत' शिष्य के आचार की ओर इंगित करता है। सूत्रकार के अनुसार विनीत के शील का स्वरूप यह है—

१. गुरु की आज्ञा और निर्देश का पालन करना।

२. गुरु के उपपात में बैठना, गुरु की शुश्रूषा करना।

३. गुरु के इंगित और आकार को जानना।

४. गुरु के अनुकूल वर्तन करना।

५. वाचालता का वर्जन करना, अल्पभाषी होना।

बौद्ध साहित्य में शील, समाधि और प्रज्ञा—ये तीन शब्द बहुत प्रयुक्त हैं। शील का एक अर्थ है—कथनी और करनी की समानता। इसका दूसरा अर्थ है—आचार—मन, वचन और काया की सम्यक् प्रवृत्ति।

१५. आत्मा का हित (हियमप्पणो)

आत्मा का ऐहिक और पारलौकिक हित विनय की आराधना से संभव है। आचार्य नेमिचंद्र ने इसकी पुष्टि में एक प्राचीन गाथा उद्धृत की है—

'विणया णाणं णाणाओ दंसणं दंसणाओ चरणं च।

चरणाहिंतो मोक्खो, मोक्खे सोक्खं निराबाहं।।'

विनय की आराधना से ज्ञान, ज्ञान से दर्शन, दर्शन से चारित्र और चारित्र से मोक्ष की प्राप्ति होती है। मोक्ष में निराबाध सुख उपलब्ध होता है।

१६. अभाव (हीनभाव) को सुनकर (सुणियाभावं)

इसके संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—'श्रुत्वा अभावं' तथा 'श्रुत्वा भावं'। अकार को 'सुणिया' से युक्त मानने पर संस्कृत रूप 'श्रुत्वा अभावं' बनता है, अन्यथा 'श्रुत्वा भावं'। भाव का अर्थ है—अवस्था या स्थिति।

१७. बुद्धपुत्र (आचार्य का प्रिय शिष्य) और मोक्ष का अर्थी (बुद्धपुत्त नियागट्ठी)

आचार्य नेमिचंद्र के अनुसार 'बुद्धपुत्त' का अर्थ है—आचार्य आदि का प्रीतिपात्र शिष्य और 'नियागट्ठी' का अर्थ है—मोक्षाभिलाषी।

चूर्णि और बृहद्वृत्ति में 'बुद्धउत्त' पाठ है। 'बुद्धउत्त' और 'नियागट्ठी' इन दोनों शब्दों को एक मानकर इसका संस्कृत रूप—'बुद्धोक्तनिजकार्थी'—तीर्थंकर आदि द्वारा उपदिष्ट ज्ञान का अभिलाषी किया गया है। बृहद्वृत्ति में 'नियाग' का वैकल्पिक अर्थ मोक्ष किया है।

बृहद्वृत्ति में ये दो पाठान्तर माने गए हैं—

१. 'बुद्धवुत्त'—बुद्धव्युक्त अर्थात् आगम।

२. 'बुद्धपुत्त'—बुद्धपुत्र अर्थात् आचार्य आदि का प्रीतिपात्र शिष्य।

चूर्णिकार ने इस अध्ययन के बीसवें श्‍लोक में भी 'नियागट्ठी' का अर्थ—ज्ञान, दर्शन और चारित्र का अर्थी किया है।

आगम-साहित्य में 'बुद्ध' शब्द का प्रयोग अनेक स्थानों पर मिलता है। इसका अर्थ है—आचार्य, तीर्थंकर, वीतराग, ज्ञानी, गुरु आदि-आदि। बौद्ध-साहित्य में इन अर्थों के साथ-साथ 'शाक्यपुत्र' के अर्थ में भी इसका प्रयोग हुआ है। महात्मा शाक्य मुनि को जब बोधि-लाभ हुआ तब वे बुद्ध कहलाए और उनका दर्शन भी इसी नाम से अभिहित होने लगा। परन्तु महात्मा बुद्ध बोलते समय अपने लिए विशेषत: 'तथागत' शब्द का ही प्रयोग करते थे।

१८. (निसन्ते...अट्ठजुत्ताणि...निरट्ठाणि)

निसन्ते—चूर्णि और वृत्ति के आधार पर इसके तीन अर्थ फलित होते हैं—

(१) जिसका अन्त:करण क्रोधयुक्त न हो।

(२) जिसका बाह्याकार प्रशान्त हो।

(३) जिसकी चेष्टाएं अत्यंत शांत हों।

अट्ठजुत्ताणि—इसके तीन अर्थ प्राप्त हैं—

(१) आगम-वचन

(२) मोक्ष के उपाय

(३) अर्थ सहित

निरट्ठाणि—चूर्णिकार ने निरर्थक शब्द के तीन उदाहरण दिए हैं—

(१) भारत, रामायण आदि। ये लोकोत्तर अर्थ से शून्य हैं।

(२) दित्थ, दवित्थ, पाखंड आदि। ये अर्थ या निरुक्तशून्य शब्द हैं।

(३) स्त्री-कथा आदि।

ये मुनि के लिए अनर्थक या अप्रयोजनीय हैं।

१९. क्रीडा (कीडं)

इसका सामान्य अर्थ है—खेल-कूद, किलोल आदि। शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ—अन्त्याक्षरी, प्रहेलिका आदि से उत्पन्न कुतूहल किया है। चूर्णिकार ने विकल्प में दोनों शब्दों (हासं कीडं) का समुच्चयार्थ 'कीड़ापूर्वक हास्य' किया है।

२०. चण्डालोचित कर्म (क्रूर व्यवहार) (चण्डालियं)

चूर्णि में इसका मुख्य अर्थ क्रोध और अनृत किया है। बृहद्वृत्ति में इसका मुख्य अर्थ क्रोध के वशीभूत हो अनृत भाषण करना और विकल्प में क्रूर कर्म किया है। शान्त्याचार्य दूसरे विकल्प में 'मा अचण्डालिय' में अचण्ड को शिष्य का सम्बोधन मानकर 'अलीक' का अर्थ अनृत करते हैं। नेमिचन्द्र ने केवल 'क्रोध के वशीभूत होकर अनृत भाषण करना' यही एक अर्थ माना है। किन्तु चण्ड और अलीक—इन दो शब्दों को भिन्न मानने की अपेक्षा चाण्डालिक को एक शब्द मानना अधिक उपयुक्त है।

२१. अकेला ध्यान करे (झाएज्ज एगगो)

इस शब्द से एक लौकिक प्रतिपत्ति का संकेत मिलता है कि ध्यान अकेला करे, अध्ययन दो व्यक्ति करें और ग्रामान्तर-गमन तीन आदि व्यक्ति करें। भोजन, प्रतिक्रमण, स्वाध्याय आदि प्रवृत्तियां मण्डली में की जाती हैं। ध्यान मण्डली में नहीं किन्तु अकेले में किया जाता है। इस प्राचीन परम्परा का ही यहां निर्देश है।

वर्तमान में सामूहिक ध्यान (ग्रुप मेडिटेशन) को भी महत्त्वपूर्ण माना जाता है। इसमें शक्ति-संपन्न साधकों के प्रकंपनों से निर्बल साधक सहज ही लाभान्वित हो जाते हैं। उनकी एकाग्रता को एक सहारा मिल जाता है और वे ध्यान की गहराई में जाने लगते हैं।

प्राचीन परम्परा के अनुसार दिन के चार प्रहरों में मुनि पहले और चौथे प्रहर में स्वाध्याय करे और दूसरे प्रहर में ध्यान करे। इसी प्रकार रात्री के चार प्रहरों में मुनि पहले और चौथे प्रहर में स्वाध्याय करे और दूसरे प्रहर में ध्यान करे। दिन-रात में चार प्रहर स्वाध्याय के और दो प्रहर ध्यान के होते हैं।

ध्यान के दो अर्थ हैं—

(१) सूत्र के अर्थ का चिंतन (२) धर्म-विचय।

२२. (गलियस्स......आइण्णे)

गलियस्स—इसका अर्थ है अविनीत घोड़ा। गंडी, गली और मराली—ये तीन शब्द दुष्ट घोड़े और बैल के पर्यायवाची हैं। गंडी—उछल-कूद करने वाला। गली—पेटू। मराली—वाहन में जोतने पर लात मारने वाला या जमीन पर लेटने वाला।

आइण्णे इसका अर्थ है विनीत घोड़ा। आकीर्ण, विनीत और भद्रक—ये तीन शब्द विनीत घोड़े और बैल के पर्यायवाची हैं।

२३. (पावगं परिवज्जए)

इसका अर्थ है—मुनि अशुभ प्रवृत्ति को छोड़ दे।

बृहद्वृत्तिकार ने 'पावगं पडिवज्जइ' को पाठान्तर मानकर उसका अर्थ पावक अर्थात् शुभ अनुष्ठान को स्वीकार करता है—किया है।

२४. पटुता से कार्य को संपन्न करने वाले शिष्य (लहुदक्खोववेया)

प्रस्तुत प्रसंग में 'लघुदाक्ष्य' समस्त पद है। लघु शब्द के अनेक अर्थ हैं। यहां इसका अर्थ हल्का, सक्रिय, अविलंब किया जा सकता है। लघुदाक्ष्य का अर्थ होगा—क्रियाशील दक्षता, सू़क्ष्म निपुणता, अविलंबकारिता।

२५. दुराशय (दुरासयं)

इसके संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—दुराशय: और दुराश्रय:।

वृत्तिकार शीलांकाचार्य ने 'दुराश्रय' शब्द मानकर इसका अर्थ इस प्रकार किया है—अति कुपित होने के स्वभाव वाले गुरु का आश्रय लेना अत्यंत कष्टप्रद होता है। नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ—शीघ्र कुपित होने वाला किया है। ये दोनों अर्थ प्रसंगोपात्त हैं।

व्याख्याकारों ने इस प्रसंग में एक कथा प्रस्तुत की है—

आचार्य चंद्ररुद्र

आचार्य चंद्ररुद्र अत्यंत क्रोधी थे। एक बार वे अपने शिष्यों के साथ उज्जयिनी नगरी में आए। वे एकांत में स्वाध्यायरत थे। इतने में ही एक नव विवाहित युवक अपने मित्रों के साथ वहां आया और उपहासपूर्वक साधुओं को वंदना कर बोला—भंते! मुझे धर्म की बात बताएं। साधु उसके उपहास को समझ कर मौन रहे। वह युवक फिर बोला—भंते! आप मुझे दीक्षा दें। मैं गृहवास से निर्विण्ण हो गया हूं। मेरे दारिद्र्य को देखकर मेरी पत्‍नी ने भी मुझे छोड़ दिया है। मेरे पर कृपा करें और मेरा उद्धार करें। साधुओं ने उसे आचार्य के पास भेजा। वह आचार्य से बोला—मुझे प्रव्रजित करें। मैं गृहवास से ऊब गया हूं। आचार्य ने उसकी वाणी के उपहास को भांपकर रोषपूर्ण वाणी में कहा—जा, राख ले आ। वह गया। राख ले आया। आचार्य उसका लुंचन करने लगे। मित्र घबराए। उन्होंने अपने इस मित्र से कहा—भाग जा। अन्यथा मुनि बनना पडे़गा। अभी-अभी तो तेरा विवाह हुआ है। उसने सोचा, अब घर कैसे जाऊं? लोच हो गया है। वह मुनि बन गया, भाव श्रमण हो गया। मित्र वहां से भाग खड़े हुए।

दूसरे दिन उस नव प्रव्रजित शिष्य ने आचार्य चंद्ररुद्र से कहा—भंते! यहां से अन्यत्र चलें। क्योंकि मेरे परिवार वाले मुझे घर चलने के लिए बाध्य करेंगे। रात्रि में आचार्य ने अपने उस नव शिष्य के साथ प्रस्थान कर दिया। शिष्य आगे चल रहा था। चलते-चलते अन्धकार की सघनता के कारण आचार्य को ठोकर लगी और वे गिर पड़े। उन्होंने क्रोध के वशीभूत होकर दंडे से शिष्य पर प्रहार किया, सिर फूट गया, पर शिष्य ने उस पीड़ा को समभाव से सहा। उसने सोचा, मैं कितना अधम हूं कि अपने शिष्यों के साथ सुखपूर्वक रहने वाले आचार्य को मैंने इस विपत्ति में डाला। वह पवित्र अध्यवसायों की श्रेणी में आगे बढ़ा और केवली हो गया।

रात बीती। आचार्य ने रुधिर से अवलिप्त शिष्य के शरीर को देखा। मन ही मन अपने कृत्य के प्रति ग्लानि हुई। शुभ अध्यवसायों के आलोक में स्वयं के कृत्य की निन्दा की और वे भी केवली हो गए।

शिष्य ने अपने मृदु व्यवहार से शीघ्र कुपित होने वाले अपने गुरु को भी मृदु बना दिया।

२६. (नापुट्ठो वागरे किंचि)

इसके दो अर्थ हैं—

(१) गुरु जब तक 'यह कैसे?' ऐसा न पूछे तब तक शिष्य कुछ भी न बोले, मौन रहे।

(२) गुरु ही नहीं, किसी के बिना पूछे कभी कुछ न कहे।

२७. (कोहं असच्चं कुव्वेज्जा)

दो भाई अपनी मां के साथ रह रहे थे। एक भाई को उसके शत्रु ने मार डाला। मां ने अपने बेटे से कहा—बेटे! तेरे भाई की हत्या करने वाले को पकड़ और उसको मार डाल। बेटे का पौरुष जाग उठा। वह उस घातक की टोह में चल पड़ा। बारह वर्षों के पश्‍चात् वह मिला। उसका निग्रह कर उसे मां के समक्ष ला खड़ा किया। उसने कहा—मां! मैं शरणागत हूं। आप चाहें तो मारें या उबारें। मां का मन करुणा से भर गया। बेटे ने कहा—मां! इस भ्रातृघातक को देख कर मेरा रोम-रोम कुपित हो रहा है। कैसे सफल करूं अपने क्रोध को? मां बोली—बेटे! क्रोध को पीना सीखो। सर्वत्र उसको सफल मत करो। याद रखो—

'सरणागयाण वस्संभियाण पणयाण वसणापत्ताणं।

रोगियअजंगमाणं, सप्पुरिसा नेव पहरंति।।'

शरण में आए हुए, विप्रब्ध, प्रणत और विपत्ति में पडे़ हुए तथा व्याधि से पंगु बने हुए लोगों पर कभी प्रहार मत करो। बेटे का क्रोध शांत हुआ। उसने अपने भ्रातृघातक को मुक्त कर डाला।

२८. (धारेज्जा पियमप्पियं)

एक बार पूरा नगर भयंकर रोग से आक्रान्त हो गया। राजा और पौरजन अत्यन्त दुखी हो गए। वहां तीन भूतवादी आए और बोले—राजन्! हमारे पास शक्तिशाली भूत हैं। हम सारे नगर का उपद्रव शान्त कर देंगे। राजा ने तीनों से कहा—अपने-अपने भूतों का परिचय दो।

पहला भूतवादी बोला—मेरा भूत अत्यंत सुन्दर रूप बनाकर नगर की गलियों में क्रीड़ा करेगा। यदि कोई उसको देखेगा, वह रुष्ट होकर उसको मार डालेगा। जो उसको देखकर नमन करेगा, वह रोग-मुक्त हो जाएगा। राजा ने कहा—ऐसा भूत नहीं चाहिए।

दूसरे भूतवादी ने कहा—राजन्! मेरा भूत अत्यन्त विकराल रूप बनाकर सड़क पर नाचेगा। यदि कोई उसका उपहास करेगा तो वह उसका सिर फोड़ डालेगा। जो उसकी प्रशंसा कर पूजा करेगा, वह रोगमुक्त हो जाएगा। राजा बोला—ऐसा भूत भी खतरनाक होता है।

तीसरे भूतवादी ने कहा—राजन्! मेरा भूत सीधा-साधा है। उसकी कोई पूजा करे या उपहास करे, वह सबको रोगमुक्त कर देता है। राजा ने कहा—'ऐसा भूत ही हमें चाहिए।' उस भूत ने सारी विपत्ति नष्ट कर दी, सारे नगर को रोगमुक्त कर डाला।

जो व्यक्ति प्रिय और अप्रिय को सहता है, वही सबके लिए ग्राह्य होता है।

२९. दमन करना चाहिए (दमेयव्वो)

दमन का अर्थ है—पांचों इन्द्रियों तथा मन को उपशांत करना। विषय दो प्रकार के होते हैं—मनोज्ञ और अमनोज्ञ। मनोज्ञ विषयों के प्रति राग या आसक्ति और अमनोज्ञ विषयों के प्रति द्वेष या घृणा उत्पन्न होती है। इस वृत्ति पर विवेक के जागरण का अंकुश लगाना दमन है।

'दमु' और 'शमु'—ये दोनों धातुएं एकार्थक हैं। प्रयोग की दृष्टि से 'दमन' का प्रयोग निग्रह करने के अर्थ में और 'शमन' का प्रयोग शांत करने के रूप में होता है। अध्यात्म के क्षेत्र में इन्द्रिय और मन का निग्रह करना दमन कहलाता है। प्रस्तुत श्‍लोक में आत्मा का अर्थ इन्द्रिय और मन है। आत्म-दमन का अर्थ होगा—इन्द्रिय और मन का निग्रह। जैसे वल्गा को खींचकर अश्‍व को नियंत्रित किया जाता है वैसे ही इन्द्रिय और मन के अश्‍व को नियंत्रण में रखना आत्म-दमन है।

दंडनीति में जो दमन का अर्थ है, वह यहां नहीं है। विधि-संहिता के अनुसार अपराधी का अभियोग और बलपूर्वक दमन किया जाता है। अध्यात्म-संहिता के अनुसार एक व्यक्ति अपनी पूरी स्वतंत्रता के साथ अहिंसक विधि के द्वारा अपने इन्द्रिय और मन की चंचल प्रवृत्ति का नियंत्रण करता है। यही आत्म-दमन है।

इस प्रकार एक ही शब्द दो संदर्भों में भिन्न अर्थवाला बन जाता है।

३०. 'वरं मे अप्पा दंतो'

प्रस्तुत प्रसंग में वृत्तिकार ने निम्‍न कथा प्रस्तुत की है—

गन्धहस्ती सेचनक

एक घना जंगल। वहां हाथियों का यूथ रहता था। यूथपति उस यूथ में नए उत्पन्न होने वाले सभी गज-कलभों को मार डालता था। एक बार गर्भिणी हथिनी ने सोचा, मेरे यदि बच्चा पैदा होगा तो यह यूथपति उसे मार डालेगा। अच्छा है, मैं यहां से छिटक जाऊं। एक बार अवसर देख कर वह वहां से निकल कर पास के ऋषि आश्रम में चली गई। ऋषिकुमारों ने उसे आश्रय दिया। उसने कलभ का प्रस्रव किया। वह उन ऋषिकुमारों के साथ वाटिका का सिंचन करने लगा। उन्होंने उसका नाम 'सेचनक' रखा। वह बड़ा हुआ। यूथपति को देखकर उस पर झपटा। उसे मारकर स्वयं उस यूथ का स्वामी बन गया। एक बार उसने कुछ सोचा और जिस आश्रम में वह जन्मा, बड़ा हुआ, उसी को विनष्ट कर डाला। ऋषिकुमार जान बचाकर राजा श्रेणिक के पास गए और सेचनक गन्धहस्ती की बात कही। राजा स्वयं उसे पकड़ने गया। वह गन्धहस्ती एक देवता द्वारा परिगृहीत था। उसने हाथी से कहा—'वत्स! तुम स्वयं अपना निग्रह करो। दूसरों के द्वारा बंधन और वध आदि से निगृहीत होना अच्छा नहीं है।' यह सुनकर हाथी आश्‍वस्त हुआ और स्वयं ही आलान स्तम्भ पर आकर खड़ा हो गया।

३१. (श्‍लोक १७)

शिष्य गुरु के प्रतिकूल आचरण न करे। न वह वाणी से यह कहे—तुम कुछ नहीं जानते अथवा गुरु के समक्ष या परोक्ष में वाणी से उनके विरुद्ध न बोले। तथा कर्म से अर्थात् क्रिया से वह आचार्य और उपाध्याय के शय्या-संस्तारक पर न बैठे, हाथ-पैर से उनका संघटन न करे तथा आते-जाते उन पर पैर रखकर न चले—यह चूर्णिगत व्याख्या है।१ वृत्तिकार की व्याख्या कुछ भिन्न है।

३२. आचार्यों के (किच्चाण)

कृति का अर्थ है—वन्दना। जो वन्दना के योग्य होते हैं, उन्हें कृत्य—आचार्य कहा जाता है।

३३. श्‍लोक (१८)

प्रस्तुत श्‍लोक में आचार्य के समक्ष शिष्य को किस प्रकार नहीं बैठना चाहिए, का निर्देश करते हुए सूत्रकार चार बातों का उल्लेख करते हैं—

वृत्तिकार ने उनके कारणों का निर्देश इस प्रकार किया है—

(१) शिष्य गुरु के दाएं-बाएं न बैठे, क्योंकि गुरु को इधर-उधर देखने में गले और कंधे में पीड़ा हो सकती है।

(२) शिष्य को गुरु के निकट आगे भी नहीं बैठना चाहिए, क्योंकि गुरु-वंदना के लिए आने वाले लोगों को गुरु के मुखारबिन्द का दर्शन न होने पर उनके मन में अप्रीति उत्पन्न हो सकती है।

(३) शिष्य गुरु के पीछे भी न बैठे, क्योंकि दोनों को, गुरु और शिष्य को, एक-दूसरे का मुंह न दीखने के कारण वह रसवत्ता पैदा नहीं होती जो रसवत्ता मुखदर्शन से होती है।

(४) शिष्य गुरु से सटकर न बैठे, क्योंकि पूज्य व्यक्तियों के अंग के संघटन से आशातना होती है और वह अविनय का प्रतीक है।

३४. (पल्हत्थियं.......पक्खपिण्डं)

पल्हत्थियं—घुटनों और जंघाओं के चारों ओर वस्त्र बांधकर बैठने को पर्यस्तिका कहा जाता है।

कुषाणकालीन मूर्तियों में, जो मथुरा से प्राप्त हुई हैं, यक्षकुबेर या साधु आदि अपनी टांग या पेट के चारों ओर वस्त्र बांधकर बैठे हुए दिखाए गए हैं। उसे उस समय की भाषा में 'पल्हत्थिया' (पलथी) कहते थे। वह दो प्रकार की होती थी—समग्र पल्हत्थिया या पूरी पलथी और अर्ध पल्हत्थिया या आधी पलथी।

आधी पलथी दक्षिण और वाम अर्थात् दाहिना पैर या बांया पैर मोड़ने से दो प्रकार की होती थी। पलथी लगाने के लिए साटक, बाहुपट्ट, चर्मपट्ट, सूत्र, रज्जु आदि से बन्धन बांधा जाता था। ये पल्हत्थिका-पट्ट रंगीन, चित्रित अथवा सुवर्ण-रत्‍न-मणि-मुक्ता खचित भी बनाए जाते थे।

पक्खपिण्डं—दोनों हाथों से घुटनों और साथल को वेष्टित कर बैठना, पक्ष-पिण्ड कहलाता है।

३५. बुलाए जाने पर (वाहिन्तो)

चूर्णि और दोनों वृत्तियों में 'वाहिन्तो' पाठ है। उसका संस्कृत रूप 'व्याकृत' है। उत्तरवर्ती प्रतियों में यह पाठ 'वाहित्तो' के रूप में प्राप्त है। इसी आधार पर पिशेल ने इसका संस्कृत रूप 'व्याक्षिप्त' दिया है। परन्तु 'व्याक्षिप्त' का प्राकृत रूप 'वक्खित्त' होता है। अत: शब्द और अर्थ की दृष्टि से यह उचित नहीं है।

इस शब्द के संदर्भ में नेमिचन्द्र ने कहा है कि गुरु के द्वारा बुलाए जाने पर शिष्य अपने आपको धन्य माने। उन्होंने एक प्राचीन पद्य उद्धृत किया है—

'धन्नाण चेव गुरुणो, आदेसं देंति गुणमहोयहिणो।

चंदणरसो अपुन्नाण निवडए नेय अंगम्मि।।'

—गुणों के सागर आचार्य योग्य शिष्य को ही आदेश देते हैं। जो क्षीणपुण्य हैं, क्या उनके शरीर पर कभी चन्दन रस का पात होता है?

३६. समीप रहे (उवचिट्ठे)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'पास में बैठना' किया है। टीकाओं में इसका अर्थ है—'मैं आपका अभिवादन करता हूं'—ऐसा कहता हुआ शिष्य सविनय गुरु के पास चला जाये।

३७. (आलवन्ते लवन्ते वा)

आलाप और लपन—ये दो शब्द हैं। आलाप का अर्थ है—थोड़ा बोलना या प्रश्‍न आदि पूछना। लपन का अर्थ है—बार-बार बोलना या अनेक प्रकार से बोलना।

३८. ऊकडू बैठ (उक्कुडुओ)

स्थानांग में पांच प्रकार की निषद्या का उल्लेख है। उनमें उत्कुटुका एक निषद्या है। दोनों पैरों को भूमि पर टिका कर, दोनों पुतों को भूमि से न छुआते हुए, जमीन पर बैठना उत्कटुकासन है। इसका प्रभाव वीर्यग्रन्थियों पर पड़ता है। यह ब्रह्मचर्य की साधना में बहुत फलदायी है। यह विनय की एक मुद्रा है।

३९. जो शिष्य विनययुक्त हो (विणयजुत्तस्स)

विनययुक्त मुनि का व्यवहार कैसा हो? वह गुरु के सम्मुख अपनी जिज्ञासा को कैसे प्रस्तुत करे? वह गुरु के समक्ष कैसे अवस्थित रहे? इन प्रश्‍नों के संदर्भ में सूत्रकार ने कुछ निर्देश दिए हैं—

मुनि आसन पर आसीन होकर तथा शय्या पर स्थित होकर गुरु से जिज्ञासा न करे। वह गुरु के पास उपस्थित होकर, दोनों हाथ जोड़कर, उत्कटुक आसन में बैठकर जिज्ञासा करे।

वर्तमान में उत्कटुक आसन के स्थान पर वंदनासन में बैठने की परम्परा प्रचलित है।

४०. सूत्र, अर्थ और तदुभय (सुत्तं अत्थं च तदुभयं)

आगम की रचना शैली तीन प्रकार की है—

१. सूत्रात्मक शैली—यह संक्षिप्त और सूचक मात्र होती है।

२. अर्थात्मक शैली—यह व्याख्यात्मक होती है।

३. तदुभयात्मक शैली—यह कहीं सूत्रात्मक और कहीं व्याख्यात्मक—दोनों प्रकार की होती है।

वृत्तिकार ने सूत्र से कालिक और उत्कालिक आगम तथा अर्थ से उनके अभिधेय को ग्रहण किया है। दोनों का समन्वित रूप है—तदुभय।

४१. (श्‍लोक २४)

प्रस्तुत श्‍लोक में असत्य और निश्‍चयकारिणी भाषा न बोलने तथा भाषा के दोषों के परिहार का निर्देश है।

वृत्तिकार नेमिचन्द्र ने असत्य बोलने से होने वाले छह दोषों का निर्देश किया है—

(१) धर्म की हानि

(२) अविश्‍वास

(३) शारीरिक उत्ताप

(४) अर्थ की हानि

(५) निंदा

(६) दुर्गति।

अवधारिणी या निश्‍चयकारिणी भाषा न बोलने के प्रसंग में वृत्तिकार ने एक सुन्दर गाथा प्रस्तुत कर उसके वास्तविक कारण को निर्दिष्ट किया है—

'अन्नह परिचिंतिज्जइ, कज्जं परिणमइ अन्नहा चेव।

विहिवसयाण जियाणं, मुहुत्तमेत्तं पि बहुविग्घं।।'

—प्रत्येक प्राणी भाग्य के अधीन है, कर्मों के अधीन है। वह सोचता कुछ है और हो कुछ और ही जाता है। जीवन का प्रत्येक क्षण विघ्नों से भरा पड़ा है।

असत्य भाषण, सावद्य का अनुमोदन करने वाली वाणी, पापकारी भाषा, क्रोध-मान-माया और लोभ के वशीभूत होकर बोले जाने वाली भाषा—ये सारी भाषाएं सदोष हैं।

४२. दोनों के प्रयोजन के लिए अथवा अकारण ही (उभयस्सन्तरेण)

टीकाओं में इसका अर्थ है—दोनों (अपने और पराए) के प्रयोजन के लिए अथवा प्रयोजन के बिना।२ चूर्णि में इसका अर्थ दो या बहुत व्यक्तियों के बीच में बोलना—किया है।

४३. निरर्थक (निरट्ठं)

सुखबोधा टीका में इस शब्द की व्याख्या में एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत है—

'एष वन्ध्यासुतो याति, खपुष्पकृतशेखर:।

मृगतृष्णाम्भसि स्‍नात शशश्रृंगधनुर्धर:।।'

—देखो, यह बांझ का बेटा जा रहा है। यह आकाश-कुसुमों का सेहरा बांधे हुए है। इसने मृगतृष्णा के पानी में स्‍नान कर, हाथ में खरगोश के सींग का धनुष्य ले रखा है।

४४. मर्मभेदी वचन (मम्मयं)

चूर्णि के अनुसार 'मर्म' का निरुक्त है—'म्रियते येन तन् मर्म'—जिससे व्यक्ति मृत्यु को प्राप्त होता है, वह है मर्म। जैसे किसी को कहना कि तुम अपनी पत्‍नी के दास हो—'इत्थीकारी भवान्'—यह मर्म-वचन है।

मर्म शब्द के अनेक अर्थ होते हैं—रहस्यमय, कटुक, पीड़ाकारक। वृत्तिकार ने यहां इसकी व्याख्या कटुवचन के रूप में की है। काने को काना, नपुंसक को नपुंसक, रोगी को रोगी और चोर को चोर कहना—मर्मभेदी वचन है। यह यथार्थ होने पर भी मर्म को छूता है। यह अति संक्लेशकारी होता है।

चूर्णिकार ने एक श्‍लोक के माध्यम से बताया है कि जैसे मर्मभेदी वचन पीड़ाकारक होता है वैसे ही जन्म संबंधी और कार्य संबंधी वचन भी मर्मभेदी वचन की श्रेणी में ही आते हैं। किसी के जन्म का उल्लेख करते हुए कुछ कहना, आजीविका के सम्बन्ध में कुछ कहना, व्यक्ति के मर्म को छूने वाला होता है। मुनि इन तीनों का परिहार करे, क्योंकि मर्मविद्ध व्यक्ति स्वयं ही आत्महत्या कर सकता है या मर्मकारी वचन कहने वाले की हत्या कर सकता है—

'मम्मं जम्मं कम्मं, तिन्नि वि एयाइं परिहरिज्जासि।

मा जम्ममम्मविद्धे, मरेज्ज मारेज्ज वा किंचि।।'

४५. (समरेसु अगारेसु सन्धीसु)

समरेसु—चूर्णिकार के अनुसार इसका अर्थ 'लोहार की शाला' है। शान्त्याचार्य इसका अर्थ नाई की दुकान, लोहार की शाला और अन्य नीच-स्थान करते हैं। उन्होंने समर का दूसरा अर्थ युद्ध भी किया है। नेमिचन्द्र के अनुसार इसका अर्थ नाई की दुकान है।

सर मोनियर विलियम्स ने समर का अर्थ 'समूह का एकत्रित होना' किया है। यह भी अर्थ प्रकरण की दृष्टि से ग्राह्य हो सकता है। समय का संस्कृत रूप स्मर भी होता है। इसका अर्थ है कामदेव सम्बन्धी या कामदेव का मंदिर। अनुवाद में हमने यही अर्थ किया है। इस शब्द के द्वारा सन्देहास्पद स्थान का ग्रहण इष्ट है।

अगारेसु—चूर्णिकार ने इसका अर्थ शून्यागार और शान्त्याचार्य ने केवल गृह किया है।

संधीसु—घरों के बीच की संधि। दो दीवारों के बीच का प्रच्छन्न स्थान।

४६. (सीएण फरुसेण)

सीएण—प्रकरणवश चूर्णिकार ने 'शीत' का अर्थ 'स्वादु' (मधुर), शान्त्याचार्य ने 'उपचार सहित' और नेमिचन्द्र ने आह्लादक किया है।

फरुसेण—चूर्णिकार ने 'परुष' का अर्थ स्‍नेह-वर्जित या निष्ठुर और बृहद् वृत्तिकार ने कर्कश किया है। गच्छाचार की वृत्ति में सुई के तुल्य चुभने वाले वचन को खर, बाण तुल्य चुभने वाले वचन को परुष और भाले के समान चुभने वाले वचन को कर्कश कहा है।

४७. द्वेष का हेतु (वेसं)

वृत्तिकारों ने इसको द्वेष्य मानकर व्याख्या की है। देशीनाममाला में इस अर्थ में 'वेसक्खिज्ज' शब्द प्राप्त होता है।

४८. भयमुक्त (विगयभया)

'विगयभय' का एक अर्थ है—भयमुक्त। इसका वैकल्पिक अर्थ होता है—भय-प्राप्त। मुनि के मन में एक भय समा जाता है। वह सोचता है—यदि मैं गुरु के कठोर अनुशासन का पालन नहीं करूंगा तो दूसरों में मेरा अपमान होगा। दूसरे मुनि मेरे बारे में क्या सोचेंगे—इस अवधारणा से वह गुरु के अनुशासन को हितकर मानता है। यह रचनात्मक भय है। यह अनेक बार मुनि के जीवन में रचनात्मक एवं गुणात्मक परिवर्तन का हेतु बनता है।

वृत्तिकार ने 'बुद्धा' शब्द में वैकल्पिक रूप में पंचमी विभक्ति मानकर 'बुद्धाद्' का अर्थ आचार्य आदि किया है और 'विगयभया' को उसका विशेषण माना है—'विगतभयाद् बुद्धाद्'।

४९. हाथ-पैर से चपलता न करे (अप्पकुक्कुए)

चूर्णि में 'अप्प' का अर्थ निषेध है। शान्त्यचार्य ने 'अप्प' शब्द के अर्थ 'थोड़ा' और 'नहीं—दोनों किए हैं। नेमिचन्द्र ने केवल 'थोड़ा' किया है।

५०. श्‍लोक ३१ :

'काले कालं समायरे'—यह मुनि की सामाचारी का द्योतक है। मुनि को विविधि क्रियाओं में संलग्‍न होना होता है। यदि वह प्रत्येक क्रिया को उचित काल में या निर्धारित समय में संपन्न करता है, तो सारी क्रियाएं ठीक समय पर परिसम्पन्न हो जाती हैं।

जिस देश या समाज में भिक्षा का जो काल हो, मुनि उसी समय भिक्षा के लिए निकले। क्योंकि अकाल में जाने पर मुनि को खिन्न होना पड़ता है, आत्म-क्लामना होती है। वह समय पर जाए और समय पर लौट आए। यदि भिक्षा प्राप्त न हो तो वह घूमता ही न रहे। वह इस सूत्र का स्मरण करे कि भगवान् ने कहा है—अलाभोत्ति न सोएज्जा, तवोत्ति अहियासए—अप्राप्ति में दीन न बने, स्वत: तपस्या होती है, ऐसा सोचे। मुझे थोड़ा मिला या नहीं मिला—ऐसा सोचकर घर-घर न भटके।

केवल घूमते रहने से अन्यान्य क्रियाओं का काल अतिक्रान्त हो जाता है। तब वह न समय पर प्रतिलेखन कर सकता है और न स्वाध्याय-ध्यान ही कर सकता है।

यही श्‍लोक दशवैकालिक ५।२।४ में आया है।

५१. परिपाटी (पंक्ति) में खड़ा न रहे (परिवाडीए न चिट्ठेज्जा)

बृहद्वृत्ति में परिपाटी के दो अर्थ प्राप्त हैं—गृहपंक्ति और भोजन के लिए बैठे हुए व्यक्तियों की पंक्ति।

१. गृहपंक्ति—मुनि एक स्थान पर खड़ा रहकर घरों की लंबी पंक्ति से लाया जाने वाला आहार न ले। क्योंकि दूर के घरों से भिक्षा लाने वाले गृहस्थ की अयतना का सम्यग् अवबोध नहीं हो सकता।

२. जहां भोजन करने वाले गृहस्थों की पंक्ति लगी हो, मुनि उस पंक्ति में खड़ा न रहे। क्योंकि इससे गृहस्थों के मन में अप्रीति और अदृष्टकल्याणता (अकल्याण-दर्शन) आदि दोष संभव हो सकते हैं।

डॉ. जेकोबी ने इसका इस प्रकार अर्थ किया है, 'मुनि पंक्ति में बैठे हुए भोजन करने वाले व्यक्तियों के समक्ष (आहार की याचना के लिए) न जाए।

उन्होंने इस अर्थ का कोई आधार प्रस्तुत नहीं किया है।

५२. प्रतिरूप (मुनिवेष) में (पडिरूवेण)

प्रस्तुत श्‍लोक में प्रतिरूप शब्द है और २९वें अध्ययन के ४३वें सूत्र में प्रतिरूपता।

इस श्‍लोक की व्याख्या में चूर्णिकार ने प्रतिरूप के तीन अर्थ किए हैं—

(१) शोभनरूप वाला।

(२) उत्कृष्ट वेश वाला अर्थात् रजोहरण, गोच्छग और पात्रधारी।

(३) जिनप्रतिरूपक—तीर्थंकर की भांति हाथ में भोजन करने वाला।

इनका प्रकरणगत अर्थ यह है कि मुनि—स्थविरकल्पी या जिनकल्पी—जिस वेश में हो उसी वेश में भिक्षा करे।

वृत्तिकाल में इसका अर्थ—'चिरंतन मुनियों के समान वेश वाला'—ही मुख्य रहा है।

प्रतिरूप का अर्थ प्रतिबिम्ब है। यह तीर्थंकर का भी हो सकता है और चिरंतन मुनियों का भी हो सकता है। यहां चिरंतन मुनियों के समान वेश वाला—यह अर्थ प्रासंगिक है और २९/४३ में तीर्थंकर के समान वेश वाला—यह अर्थ प्रासंगिक है। देखें—२९।४३ का टिप्पण।

५३. श्‍लोक ३३

इससे पूर्ववर्ती श्‍लोक में 'मियं कालेण भक्खए' इस पद द्वारा भोजन-विधि का उल्लेख हो चुका है। फिर भी इस श्‍लोक में पुन: भिक्षाटन करने की जो बात कही है, उसकी संगति इस प्रकार होती है—साधु सामान्यत: एक बार ही भिक्षा के लिए जाए परन्तु ग्लान के निमित्त या जो आहार मिला उससे क्षुधा शांत न होने पर वह साधु पुन: भिक्षा के लिए जाए। इसकी पुष्टि में टीकाकार दशवैकालिक (अ. ५ उ. २) के निम्‍न श्‍लोक उद्धृत करते हैं—

...............जई तेणं न संथरे।।२।।

तओ कारणमुपन्ने, भत्तपाणं गवेसए।

...............................।।३।।

इस ३३वें श्‍लोक का विस्तार दशवैकालिक ५।२।१०, ११, १२ में मिलता है।

चक्खुफासओ—इसका संस्कृत रूप है 'चक्षु:स्पर्शत:।' यह तस् प्रत्यय सप्तमी के अर्थ में है।

बृहद्वृत्तिकार ने इस शब्द के दो संस्कृत रूप और दिए हैं—चक्षु:स्पर्शे और चक्षु:स्पर्शत:।

अइक्कमे—इसका धातुगत अर्थ है—अतिक्रम करना, उल्लंघन करना। परन्तु प्रकरण की दृष्टि से इसका अर्थ 'प्रवेश करना' ही संगत लगता है। कारण कि इससे पूर्व 'लंघिया' शब्द (जिसका अर्थ है—लांघकर) आ चुका है।

५४. श्‍लोक ३४

इस श्‍लोक का प्रथम चरण 'नाइउच्चे व नीए वा'—ऊर्ध्वमालापहृत और अधोमालापहृत नामक भिक्षा के दोषों की ओर संकेत करता है। इनकी विशेष जानकारी दशवैकालिक सूत्र के ५।१।६७,६८,६९ में प्राप्त है।

वृत्तिकार ने इसके कुछ वैकल्पिक अर्थ दिए हैं—

(क) १. स्थान की अपेक्षा : ऊंचे स्थान पर खड़ा न रहे।

२. शारीरिक मुद्रा की अपेक्षा : कंधों को उकचा कर—अकड़ कर खड़ा न रहे।

३. भाव की अपेक्षा : 'मैं लब्धि-संपन्न हूं' इस अहंकार-पूर्ण अवस्था में न जाए।

(ख) १. स्थान की अपेक्षा : नीचे स्थान पर खड़ा न रहे।

२. शारीरिक मुद्रा की अपेक्षा : कंधों को नीचा कर—दीनता की अवस्था में खड़ा न रहे।

३. भाव की अपेक्षा : मैं कितना मंदभाग्य हूं कि मुझे आज कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ—इस दीन अवस्था में न रहे।

डॉ. हर्मन जेकोबी ने इसका अर्थ इस प्रकार दिया है—(MONK Should) neither boldly erect nor humbly bowing down,—मुनि अकड़ कर खड़ा न रहे और न दीनता से नीचे झुके।

यह अर्थ टीकाकार के वैकल्पिक अर्थ पर आधारित है। पर यह प्रसंगोपात्त नहीं लगता।

इसी श्‍लोक का दूसरा चरण 'नासन्ने नाइदूरओ'—गोचराग्र गए हुए मुनि के गृह-प्रवेश की मर्यादा की ओर संकेत करता है। इसका विस्तार दशवैकालिक ५।१।२४ में मिलता है। तीसरे चरण में आए हुए दो शब्द—'फासुयं' और 'परकडं पिण्डं' का विस्तार दशवैकालिक ८।२३ और ८।५१ में मिलता है।

प्रासुक का अर्थ है—बीज रहित, निर्जीव। यह उसका व्युत्पत्तिलभ्य अर्थ है। इसका प्रवृत्तिलभ्य अर्थ है—निर्दोष या विशुद्ध।

इसके संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—प्रासुक और स्पर्शुक। बेचरदासजी ने इसका संस्कृत रूप 'स्पर्शुक' किया है।

जार्ल सरपेन्टियर ने माना है कि केवल जैन संस्कृत में ही इसका रूप 'प्रासुक' किया जाता है, किन्तु यह स्पष्ट अर्थ-बोधक नहीं है। ल्यूमेन ने औपपातिक में यही आशंका व्यक्त की है। किन्तु हॉरनल, पिशल और मेयर ने इसको 'स्पर्शुक' माना है। इसका अर्थ है मनोज्ञ, स्वीकार करने योग्य।

५५. प्राणी और बीज रहित (अप्पपाणेऽप्पबीयंमि)

अप्पपाणे—इसका अर्थ है—प्राणी-रहित स्थान में। दोनों टीकाकार 'पाण' शब्द से द्वीन्द्रिय आदि प्राणियों का ग्रहण करते हैं। परन्तु चूर्णिकार इस शब्द के द्वारा समस्त प्राणियों—स्थावर व त्रस—का ग्रहण करते हैं।

यहां शान्त्याचार्य ने यह तर्क उपस्थित किया है कि इस चरण में आए हुए दो शब्दों 'अल्प-प्राण' और 'अल्पबीज' में अल्पबीज शब्द निरर्थक है, क्योंकि प्राण शब्द से समस्त प्राणियों का ग्रहण हो जाता है। बीज भी प्राण है।

इस तर्क का उन्होंने इन शब्दों में समाधान किया है—मुख और नासिका के द्वारा जो वायु निकलती है, उसे प्राण कहते हैं। लोक में 'प्राण' का यही अर्थ रूढ़ है। प्राण द्वीन्द्रिय आदि में ही होता है। एकेन्द्रिय जीवों में वह नहीं होता। अत: 'अल्पबीज' का निर्देश सप्रयोजन है।

चूर्णिकार का अभिमत है कि यहां अर्थ की दृष्टि से 'अप्पाणे' पाठ होना चाहिए, किन्तु उससे श्‍लोक-रचना ठीक नहीं बैठती, इस दृष्टि से 'अप्पाणे' के स्थान में 'अप्पपाणे' का प्रयोग किया गया है।

टीकाकार की दृष्टि में भी अल्प शब्द अभाववाची है। इससे भी चूर्णिकार का मत समर्थित होता है।

अप्पबीयंमि—इसका शब्दार्थ है—बीज रहित स्थान में। उपलक्षण से इसका अर्थ समस्त स्थावर जन्तु रहित स्थान में होता है। बीज सहित स्थान वर्जनीय है तो हरियाली सहित स्थान अपने आप वर्जनीय हो जाता है।

५६. (पडिच्छन्नंमि संवुडे)

पडिच्छन्नंमि—ऊपर से ढके हुए उपाश्रय में।

यहां प्रतिपाद्य यह है कि साधु खुले आकाश में भोजन न करे। क्योंकि वहां ऊपर से गिरने वाले सूक्ष्म जीवों का उपद्रव हो सकता है। अत: ऐसे स्थान में आहार करे जो ऊपर से छाया हुआ हो।

संवुडे—पार्श्‍व में भित्ति आदि से संवृत उपाश्रय में।

चूर्णिकार ने 'संवुडे' को साधु का विशेषण मानकर इसका अर्थ संयत या सर्वेन्द्रियगुप्त किया है। शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसे स्थान का विशेषण माना है। अनुवाद का आधार यह दूसरा अर्थ रहा है। शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप में 'संवुडे' को साधु का विशेषण भी माना है।

देखें—दशवैकालिक ५।१।८३ का टिप्पण।

५७. (समयं.....जयं अपरिसाडियं)

समयं—इसका अर्थ है—साथ में। इस शब्द के द्वारा गच्छवासी साधुओं की सामाचारी का निर्देश हुआ है। जो मण्डली-भोजी साधु हैं उनका यह कर्तव्य है कि वे अपने सहधर्मी साधुओं को निमंत्रित कर उनके साथ भोजन करें, एकाकी न खाएं। इस आशय का स्पष्ट उल्लेख दशवैकालिक ५।१।९५ में मिलता है।

दोनों टीकाकार प्रधानत: इसी अर्थ को मान्य करते हैं और दशवैकालिक ५।१।९५ का श्‍लोक उद्धृत करते हैं। शान्त्याचार्य ने विकल्प में इसका अर्थ—'सरस-विरस आहार में अनासक्त होकर'—भी किया है।

चूर्णि में बताया गया है कि अकेला भोजन करे तो वह समतापूर्वक करे और मण्डली में भोजन करे तो साधर्मिकों को निमंत्रित कर भोजन करे।

जयं अपरिसाडियं—यह पद दशवैकालिक ५।१।९६ में ज्यों का त्यों आया है। 'अपरिसाडियं का अर्थ है—भूमि पर न गिराता हुआ। डॉ. जेकोबी ने इसका अर्थ—वस्त्ररहित—नग्‍न किया है। यह समीचीन नहीं है।

५८. श्‍लोक ३६

बृहद्वृत्ति में प्रस्तुत श्‍लोकगत शब्दों की मुख्य व्याख्या भोजन विषयक है और वैकल्पिक रूप में दो प्रतिपत्तियां हैं—

१. 'सुपक्‍व' शब्द को छोड़कर शेष सभी शब्दों की सामान्य विषयक व्याख्या है, जैसे—इसने सुच्छिन्न किया है न्यग्रोध वृक्ष आदि, इसने अच्छा बनाया है प्रासाद, कूप आदि-आदि।

२. 'सुकृत' आदि शब्दों का निरवद्य प्रयोग भी है, जैसे—इसने सुकृत किया धर्मध्यान आदि। इसका सुपक्‍व है वचन-विज्ञान आदि। इसने सुच्छिन्न किया है स्‍नेह आदि। इसने अकल्याण की शांति के लिए उपकरणों को सुहृत—एकत्रित किया है। इसने सुहृत—अच्छी तरह से मार डाला है कर्म-शत्रुओं को। यह सुमृत है—इसने पंडित-मरण से मृत्यु प्राप्त की है। यह साध्वाचार के विषय में सुनिष्ठित है। सुलष्ट है—अच्छा है इसका तपोनुष्ठान आदि।

नेमिचंद्राचार्य भी इन शब्दों की भोजन विषयक व्याख्या कर वैकल्पिक रूप में सामान्य विषयक व्याख्या और निरवद्य व्याख्या—दोनों करते हैं। यत्र-तत्र उदाहरणों में अन्तर है।

डॉ. हर्मन जेकोबी के अनुसार इस पद्य का अर्थ है—मुनि ऐसे आहार को वर्जनीय माने जो सुकृत, सुपक्‍व आदि हो।

यह अर्थ प्रसंगोपात्त नहीं है, क्योंकि प्रस्तुत श्‍लोक में यह विवेक दिया गया है कि मुनि आहार के सम्बन्ध में क्या न बोले।

प्रस्तुत श्‍लोक दशवैकालिक ७।४१ में भी आया है। इस सूत्र के प्राचीन चूर्णिकार अगस्त्यसिंह स्थविर इस श्‍लोक में प्रयुक्त शब्दों को अनेक विशिष्ट क्रियाओं के प्रशंसक वचन मानते हैं। दूसरे चूर्णिकार जिनदास और वृत्तिकार हरिभद्रसूरी इन शब्दों के उदाहरण भोजन विषयक भी देते हैं और सामान्य भी।

विशेष विवरण के लिए देखें—दसवेआलियं ७।४१ का टिप्पण।

५९. श्‍लोक ३७

अविनीत व्यक्ति दुष्ट प्रकृति का होता है। गुरु के अनुशासन से वह प्रसन्न नहीं होता। गुरु उसके व्यवहार से खिन्न हो जाते हैं। ऐसी दुष्ट प्रकृति वाले अविनीत शिष्य की तुलना दुष्ट घोडे़ से की गई है। आचार्य भिक्षु ने अविनीत की इस मनोवृत्ति का मार्मिक चित्रण किया है—

गलियार गधो घोडो अविनीत ते, कूट्या बिना आगे न चाले रे।

ज्यूं अविनीत ने काम भोलावियां, कह्या नीठ नीठ पार घाले रे।।

गलियार गधो घोडो मोल ले, खाडेती घणो दु:ख पावे रे।

ज्यूं अविनीत ने दिख्या दिया पछै, पग पग गुरु पिछतावै रे।।

६०. श्‍लोक ३८

प्रस्तुत श्‍लोक के दो प्रकार के पाठों के आधार पर चूर्णिकार ने तीन अर्थ किए हैं—

१. खड्डुगाहिं चवेडाहि.......इस पाठ के आधार पर इसका अर्थ है—ठोकरों, चपेटों, कटुवचनों तथा दंड आदि के आघातों से शिष्य-हित के लिए कल्याणकारी अनुशासन करने वाले आचार्य को शिष्य पापदृष्टि मानता है। वह सोचता है—ये पापी हैं। इनके मन में मेरे प्रति करुणा नहीं है। ये क्रूर हैं। ये कारावास के अधिकारी की भांति मुझे दंडित करते हैं।

२. खड्डुगा मे चवेडा मे—इस पाठ के आधार पर इसका अर्थ है—मेरे लिए तो केवल ठोकरें खाना, चपेटें खाना, गाली सहना और मार खाना ही भाग्य में है—ऐसा सोचकर शिष्य कल्याण के लिए अनुशासन करने वाले आचार्य को भी पापदृष्टि वाला मानता है।

३. आचार्य वाणी के द्वारा शिष्य पर अनुशासन करते हैं। पापदृष्टि शिष्य उसको ठोकरें और चपेटों के समान मानता है। वह उनकी हितकारी वाणी को आक्रोश और प्रहार के समान मानता है।

बृहद्वृत्ति में चूर्णि के प्रथम दो अर्थ उपलब्ध हैं। सुखबोधा वृत्ति में तीसरा अर्थ मान्य है। यह अर्थ मुनि की जीवन शैली के अनुकूल है। इसीलिए हमने इसे स्वीकार किया है।

जर्मन विद्वान् डॉ. हरमन जेकोबी और जार्ल सरपेन्टियर ने प्रस्तुत श्‍लोक का अर्थ इस प्रकार किया है—(कुशिष्य सोचता है) मुझे ठोकर, चपेटा, आक्रोश और मारपीट प्राप्त होती है। वह शिष्य अपने पर हितकारी अनुशासन करने वाले गुरु को क्रूर और चंड मानता है।

६१. श्‍लोक ३९

प्रस्तुत श्‍लोक में 'भाया' (भ्राता) और 'कल्लाणं' (कल्याण) के स्थान पर विभक्ति-विहीन 'भाय' और 'कल्लाणं' का प्रयोग हुआ है। सासं—प्राकृत व्याकरण के अनुसार यह 'शास्यमानं' के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है।१ सरपेन्टियर ने 'शास्यमानं' को असंभव मानते हुए इसका रूप 'शास्य' ही होना चाहिए, ऐसा कहा है।

६२. आचार्य का उपघात करने वाला न हो (बुद्धोवघाई न सिया)

बुद्ध या आचार्य की उपघात के तीन प्रकार हैं—

१. ज्ञान-उपघात—यह आचार्य अल्प-श्रुत है या ज्ञान का गोपन करता है।

२. दर्शन-उपघात—यह आचार्य उन्मार्ग का प्ररूपण करता है या उसमें श्रद्धा करता है।

३. चरित्र-उपघात—यह आचार्य पार्श्‍वस्थ या कुशील है।

इस प्रकार जो व्यवहार करता है, वह आचार्य का उपघाती होता है। इसका दूसरा अर्थ यह है—जो शिष्य आचार्य की वृत्ति का उपघात करता है, वह भी 'बुद्धोपघाती' कहलाता है। आचार्य को दीर्घजीवी देख शिष्य सोचते हैं—'हमलोग कब तक इनकी परिचर्या करते रहेंगे? कोई ऐसा प्रयत्‍न करें, जिससे ये अनशन कर लें।' वे भिक्षा में पूर्ण नीरस आहार लाते हैं और कहते हैं—भंते! क्या करें? श्रावक लोग अच्छा आहार देते ही नहीं।' उधर श्रावक लोग यह सोचकर कि आचार्य वृद्ध हैं, सौभाग्य से हमारे यहां स्थान-स्थित हैं, अत: हम स्वत: प्राप्त प्रणीत-भोजन उन्हें दें। वे भिक्षा के लिए आने वाले साधुओं को प्रणीत-आहार देना चाहते हैं पर वे साधु उन्हें कहते हैं—'आचार्य प्रणीत-भोजन नहीं लेना चाहते। वे संलेखना कर रहे हैं—अनशन की तैयारी के लिए काया को कृश कर रहे हैं।' श्रावक आचार्य को कहते हैं—'भगवन्! आप महान् उद्योतकारी आचार्य हैं, फिर असमय में ही संलेखना क्यों करते हैं? आप हमारे लिए भारभूत नहीं हैं। हम शक्तिभर आपकी सेवा करना चाहते हैं। आपके विनीत साधु भी आपकी सेवा करना चाहते हैं। वे भी आपसे खिन्न नहीं हैं।' आचार्य इस सारी स्थिति को जानकर सोचते हैं—'इस अप्रीतिहेतुक प्राण-धारण से क्या अर्थ है? धर्मार्थी पुरुष को अप्रीति उत्पन्न करना उचित नहीं।' वे तत्काल श्रावकों से कहते हैं—मैं नियत-विहारी होकर कितने दिन तक इन विनीत साधुओं को और आपको रोके रहूंगा। अच्छा है, अब मैं उत्तम-अर्थ का अनुसरण करूं। इस प्रकार श्रावकों को समझाकर आचार्य अनशन कर लेते हैं।

शिष्यों की ऐसी चेष्टा भी आचार्य की उपघात करने वाली कहलाती है। इसलिए विनीत शिष्य बुद्धोपघाती न हो—आचार्य को अनशन आदि के लिए बाध्य करने वाला न हो।

६३. छिद्रान्वेषी (तोत्तगवेसए)

जिसके द्वारा व्यथा उत्पन्न होती है उसे तोत्त—तोत्र कहा जाता है। द्रव्य तोत्र हैं—चाबुक, प्रहार आदि और भाव तोत्र हैं—दोषोद्भावन, तिरस्कारयुक्त वचन, छिद्रान्वेषण आदि-आदि। इसका एक अर्थ यह भी किया जा सकता है—विनीत शिष्य एक ही कार्य के लिए आचार्य से बार-बार कहलाने की इच्छा न करे।

६४. कुपित हुए (कुवियं)

विनीत शिष्य का कर्तव्य है कि वह आचार्य को कुपित जाने तो उन्हें प्रसन्न करने का प्रयत्‍न करे। प्रश्‍न होता है कि यह कैसे जाना जाए कि आचार्य कुपित हुए हैं? चूर्णिकार ने कुपित को जानने के छह लक्षण बताए हैं। वे ये हैं—

अचक्षुदानं कृतपूर्वनाशनं, विमाननं दुश्‍चरिताय कीर्तनम्।

कथाप्रसंगो न च नाम विस्मयो, विरक्तभावस्य जनस्य लक्षणम्।।

१. उसकी ओर दृष्टि उठाकर भी न देखना।

२. पूर्वकृत को भुला देना।

३. तिरस्कार करना।

४. दुश्‍चरित्र का कथन करना।

५. बातचीत न करना।

६. उसकी विशेषता पर विस्मय प्रगट न करना।

६५. (पत्तिएण.....पंजलिउडो)

'पत्तिएण'—शान्त्याचार्य ने इसे आर्ष प्रयोग मानकर इसके संस्कृत रूप दो किए हैं—१. प्रातीतिकेन और २. प्रीत्या। प्रातीतिक के दो अर्थ किए गए हैं—शपथ और प्रतीति उत्पादक वचन। उन्होंने मुख्य अर्थ 'प्रातीतिक' किया है। नेमिचंद्र ने इसका मुख्य अर्थ प्रीत्या—प्रेम से किया है।

'पंजलिउडो'—शान्त्याचार्य के अनुसार इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—प्रकृताञ्जलि: और प्राञ्जलिपुट:। नेमिचन्द्र ने दूसरे रूप को मान्य किया है।

६६. धर्म से अर्जित (धम्मज्जियं)

चूर्णिकार ने इस शब्द को 'धार्मिक जीतं—धम्मज्जीतं' इस प्रकार व्युत्पन्न कर, इकार को ह्रस्व मान 'धम्मज्जियं' शब्द माना है। इसका अर्थ है—धर्म के अनुरूप जीत व्यवहार अर्थात् प्राचीन बहुश्रुत आचार्यों द्वारा आचीर्ण व्यवहार।

बृहद्वृत्तिकार ने इसके दो संस्कृत रूप दिए हैं—

१. धर्मार्जितं—क्षमा, संयम आदि धर्मों से प्राप्त।

२. धर्म्यजीतं—धर्म के अनुरूप जीत व्यवहार।

प्रथम अर्थ में मुनि-धर्म के दस भेदों से समन्वित व्यवहार धर्मार्जित कहलाता है। दूसरे अर्थ में व्यवहार के आगम, धारणा आदि पांच भेदों में से 'जीत' व्यवहार को मुख्य माना गया है।

प्रस्तुत प्रसंग में 'धर्मार्जित' अर्थ अधिक उपयुक्त लगता है।

प्रस्तुत श्‍लोक के तीसरे चरण में 'तत्' शब्द का प्रयोग है। यत् और तत् का नित्य सम्बन्ध होता है। इस आधार पर शान्त्याचार्य ने 'धम्मज्जियं', 'ववहारं' और 'बुद्धेहायरियं'—इन तीन शब्दों की द्वितीया विभक्ति के स्थान में प्रथमा विभक्ति भी मानी है।

६७. कार्य (किच्चाइं)

सभी व्याख्याकारों ने इसका अर्थ 'कृत्यानि'—कार्य किया है। प्राचीन आदर्शों में यही पाठ प्राप्त होता है, किन्तु प्रस्तुत प्रसंग में विभक्ति-व्यत्यय के आधार पर 'किच्चाणं' पाठ माना जाए तो इसका अर्थ होगा—आचार्य का। पूर्ववर्ती और पश्‍चात्वर्ती श्‍लोक में 'आयरियस्स' और 'किच्चाणं' पाठ प्राप्त है।

६८. प्रसन्न होते हैं (पसीयन्ति)

इसका अर्थ है—प्रसन्न होना। प्रश्‍न होता है कि क्या आचार्य प्रसन्न होने पर स्वर्ग की साक्षात् प्राप्ति कराते हैं? क्या वे मोक्ष की उपलब्धि कराते हैं? क्या वे इच्छित वरदान देते हैं? इसके उत्तर में कहा गया कि वे स्वर्ग आदि की उपलब्घि नहीं करा सकते, पर वे मोक्ष के हेतुभूत श्रुतज्ञान की प्राप्ति अवश्य कराते हैं।

६९. प्रसन्न होकर (पसन्ना)

प्रसाद या प्रसन्नता का अर्थ चित्त की निर्मलता से किया जाने वाला अनुग्रह है। इसका सम्बन्ध हर्ष से नहीं है। इस संदर्भ में 'अप्पाणं विप्पसायए'—आचारांग का यह सूत्र मननीय है। अध्यात्म का प्रसाद निर्विचार की अवस्था में उपलब्ध है। महर्षि पतंजलि का अभिमत भी यहां उल्लेखनीय है।

७०. मोक्ष के हेतुभूत (अट्ठियं)

यहां 'अर्थ' शब्द मोक्षवाची है। मोक्ष की प्राप्ति का हेतुभूत ज्ञान आर्थिक कहलाता है। यह श्रुतज्ञान का विशेषण है।

७१. पूज्यशास्त्र (पुज्जसत्थे)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ पूज्यशासित किया है।

बृहद्वृत्तिकार ने इसके तीन संस्कृत रूप प्रस्तुत कर उनके भिन्न-भिन्न अर्थ किए हैं—

१. पूज्यशास्त्र—जिसके शास्त्रीय ज्ञान की समस्त जनता पूजा करती है।

२. पूज्यशास्ता—जिसके गुरु सभी के पूजनीय हैं अथवा जो अपनी वृत्तियों से गुरु की पूजा में विशेष निमित्त बनता है।

३. पूज्यशस्त—जो पूज्य और कल्याणकारी है।

इन तीनों में पहला अर्थ ही उपयुक्त है। नीति का वाक्य है—'शास्त्रं भारोऽविवेकिनाम्'—अविवेकी व्यक्ति के लिए शास्त्र भाररूप होता है अथवा विवेक-विकल व्यक्तियों का शास्त्र या कथन भारभूत होता है। जो विवेकी होता है, विनीत होता है, उसी का शास्त्रज्ञान सारभूत होता है, पूजनीय होता है।

७२. उसके सारे संशय मिट जाते हैं (सुविणीयसंसए)

बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—

१. सुविनीतसंशय—जिसकी सारी जिज्ञासाएं या संशय मिट गए हैं।

२. सुविनीतसंसत्क—जिसकी परिषद् सुविनीत है।

७३. कर्मसम्पदा (दसविध सामाचारी) से सम्पन्न (कम्मसंपया)

प्राचीन काल में क्रिया की उपसम्पदा के लिए साधुओं की विशेष नियुक्ति होती थी। वे साधुओं को दसविध सामाचारी का प्रशिक्षण देते और उसकी पालना कराने का ध्यान रखते थे। चूर्णि में 'कर्मसम्पदा' का अर्थ 'योगज विभूति सम्पन्न' किया है।

बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ किए गए हैं—सामाचारी से सम्पन्न और योगज विभूति से सम्पन्न।

चूर्णिकार और बृहद्वृत्तिकार ने नागार्जुनीयास्तु पठन्ति के अंतर्गत इसका पाठान्तर 'मणिच्छियं संपयमुत्तमं गयत्ति' दिया है। यहां संपद् का अर्थ है—यथाख्यातचारित्ररूप सम्पदा।

७४. श्‍लोक ४७

मोक्षविनय के पांच प्रकार हैं—दर्शनविनय, ज्ञानविनय, चारित्रविनय, तपविनय और औपचारिकविनय या अनाशातना- विनय।

प्रस्तुत श्‍लोक में पांचों विनयों का निर्देश है—

१. पूज्यशास्त्र—ज्ञानविनय।

२. सुविनीतसंशय—दर्शनविनय।

३. कर्मसम्पदा—औपचारिकविनय।

४. तप:सामाचारी तथा समाधि—तपविनय।

५. पांच महाव्रत—चारित्रविनय।

७५. (देवगंधव्व....मलपंकपुव्वयं....अप्परए)

देवगंधव्व—यहां 'देव' शब्द से वैमानिक तथा ज्योतिष्क देवों का तथा 'गंधर्व' शब्द से व्यंतर और भुवनपति देवों का ग्रहण किया है।

मलपंकपुव्वयं—मनुष्य-शरीर का निर्माण मल और पंक (रक्त और वीर्य) से होता है, इसलिए उसे मल-पंक-पूर्वक कहा जाता है।

अप्परए—जो 'अल्परत' होता है, मोहजनित क्रीड़ा से रहित होता है, उसे 'अल्परत' कहा जाता है। जिसके बध्यमान-कर्म अल्प होते हैं उसे 'अल्परजा:' कहा जाता है। 'अप्परए' के ये दोनों अर्थ हो सकते हैं।

♦

दूसरा अध्ययन : परीषह-प्रविभक्ति

02

दूसरा अध्ययन : परीषह-प्रविभक्ति

आमुख

उत्तराध्ययन के इस दूसरे अध्ययन में मुनि के परीषहों का निरूपण है। कर्म-प्रवाद पूर्व के १७वें प्राभृत में परीषहों का नय और उदाहरण-सहित निरूपण है। वही यहां उद्धृत किया गया है। यह निर्युक्तिकार का अभिमत है। दशवैकालिक के सभी अध्ययन जिस प्रकार पूर्वों से उद्धृत हैं, उसी प्रकार उत्तराध्ययन का यह अध्ययन भी उद्धृत है।

जो सहा जाता है उसे कहते हैं परीषह। सहने के दो प्रयोजन हैं : (१) मार्गाच्यवन और (२) निर्जरा। स्वीकृत मार्ग से च्युत न होने के लिये और निर्जरा—कर्मों को क्षीण करने के लिये जो कुछ सहा जाता है।

भगवान महावीर की धर्म-प्ररूपणा के दो मुख्य अंग हैं—अहिंसा और कष्ट-सहिष्णुता। कष्ट सहने का अर्थ शरीर, इन्द्रिय और मन को पीड़ित करना नहीं, किन्तु अहिंसा आदि धर्मों की आराधना को सुस्थिर बनाये रखना है। आचार्य कुन्दकुन्द ने कहा है :—

सुहेण भाविदं णाणं, दुहे जादे विणस्सदि।

तम्हा जहाबलं जोई, अप्पा दुक्खेहि भावए।।

अर्थात् सुख से भावित ज्ञान दु:ख उत्पन्न होने पर नष्ट हो जाता है, इसलिए योगी को यथाशक्ति अपने-आपको दु:ख से भावित करना चाहिये।

इसका अर्थ काया को क्लेश देना नहीं है। यद्यपि एक सीमित अर्थ में काय-क्लेश भी तप रूप में स्वीकृत है किन्तु परीषह और काय-क्लेश एक नहीं हैं। काय-क्लेश आसन करने, ग्रीष्म-ऋतु में आतापना लेने, वर्षा-ऋतु में तरुमूल में निवास करने, शीत ऋतु में अपावृत स्थान में सोने और नाना प्रकार की प्रतिमाओं को स्वीकार करने, न खुजलाने, शरीर की विभूषा न करने के अर्थ में स्वीकृत है।

उक्त प्रकारों में से कोई कष्ट जो स्वयं इच्छानुसार झेला जाता है, वह काय-क्लेश है और जो इच्छा के बिना प्राप्त होता है, वह परीषह है।

काय-क्लेश के अभ्यास से शारीरिक दु:ख को सहने की क्षमता, शारीरिक सुखों के प्रति अनाकांक्षा और क्‍वचिद् जिनशासन की प्रभावना भी होती है। परीषह सहने से स्वीकृत अहिंसा आदि धर्मों की सुरक्षा होती है।

इस अध्ययन के अनुसार परीषह बाईस हैं—

१. क्षुधा

२. पिपासा

३. शीत

४. उष्ण

५. दंश-मशक

६. अचेल

७. अरति

८. स्त्री

९. चर्या

१०. निषद्या

११. शय्या

१२. आक्रोश

१३. वध

१४. याचना

१५. अलाभ

१६. रोग

१७. तृण-स्पर्श

१८. जल्ल

१९. सत्कार-पुरस्कार

२०. प्रज्ञा

तत्त्वार्थ सूत्र में भी इनकी संख्या बाईस ही है।

इनमें दर्शन-परीषह और प्रज्ञा-परीषह—ये दो मार्ग से अच्यवन में सहायक होते हैं और शेष बीस परीषह निर्जरा के लिए होते हैं।

समवायांग (समवाय २२) में अन्तिम तीन परीषहों का क्रम उत्तराध्ययन से भिन्न है :—

उत्तराध्ययन — समवायांग

१. प्रज्ञा — १. ज्ञान

२. अज्ञान — २. दर्शन

३. दर्शन — ३. प्रज्ञा

अभयदेवसूरी ने समवायांग की वृत्ति में अज्ञान-परीषह का क्‍वचित् श्रुति के रूप में उल्लेख किया है।

तत्त्वार्थसूत्र (९।९) में 'अचेल' के स्थान पर 'नाग्‍नय' परीषह का उल्लेख है और दर्शन-परीषह के स्थान पर अनशन-परीषह का। प्रवचनसारोद्धार (गाथा ६८६) में दर्शन-परीषह के स्थान में सम्यक्त्व-परीषह माना गया है। दर्शन और सम्यक्त्व यह केवल शब्द-भेद है।

अचेल और नाग्‍न्य में थोड़ा भेद भी है। अचेल का अर्थ है—१. नग्‍नता और २. फटे हुए या अल्पमूल्य वाले वस्त्र।

तत्त्वार्थसूत्र श्रुतसागरीय वृत्ति में प्रज्ञा-परीषह और अदर्शन-परीषह की व्याख्या मूल उत्तराध्ययन के प्रज्ञा और दर्शन-परीषह से भिन्न है। उत्तराध्ययन (२।४२) में जो अज्ञान-परीषह की व्याख्या है वह श्रुतसागरीय में अदर्शन की व्याख्या है।

तत्त्वार्थवृत्ति (श्रुतसागरीय) पृ. २९५

प्रज्ञा-परीषह :—

योग मुनिस्तर्कव्याकरणच्छन्दोलंकार-सारसाहित्याध्यात्मशा-स्त्रादिनिधाननांगपूर्वप्रकीर्ण-कनिपुणोऽपि सन् ज्ञानमदं न करोति, ममाग्रत: प्रवादिन: सिंहशब्दश्रवणात् वनगजा इव पलायन्ते.........मदं नाधत्ते स मुनि: प्रज्ञापरीषहविजयी भवति।

अर्थ :—जो मुनि तर्क, व्याकरण, साहित्य, छन्द, अलंकार, अध्यात्मशास्त्र आदि विद्याओं में निपुण होने पर भी ज्ञान का मद नहीं करता है तथा जो इस बात का घमंड नहीं करता है कि प्रवादी मेरे सामने से उसी प्रकार भाग जाते हैं जिस प्रकार सिंह के शब्द को सुनकर हाथी भाग जाते हैं, उस मुनि के प्रज्ञा-परीषह-जय होता है।

उत्तराध्ययन अ. २

प्रज्ञा-परीषह :-

से नूणं मए पुव्वं, कम्माणाणफला कडा।

जेणाहं नाभिजाणामि, पुट्ठो केणइ कण्हुई।।४०।।

अह पच्छा उइज्जंति, कम्माणाणफलाकडा।

एवमस्सासि अप्पाणं, नच्चा कम्मविवागयं।।४१।।

अर्थ :—निश्‍चय ही मैंने पूर्व काल में अज्ञान-रूप फल देने वाले कर्म किये हैं। उन्हीं के कारण मैं किसी से कुछ पूछे जाने पर भी कुछ नहीं जानता—उत्तर देना नहीं जानता। पहले किये हुए अज्ञान-रूप फल देने वाले कर्म पकने के पश्‍चात् उदय में आते हैं—इस प्रकार कर्म के विपाक को जानकर आत्मा को आश्‍वासन दे।

अदर्शन-परीषह :—

यो मुनि:......चिरदीक्षितोऽपि सन्नेवं न चिन्तयति अद्यापि ममातिशयवद्बोधनं न सञ्जायते उत्कृष्टश्रुतव्रतादिविधायिनां किल प्रातिहार्यविशेषा: प्रादुर्भवन्ति, इति श्रुतिर्मिथ्या वर्तते दीक्षेयं निष्फला व्रतधारणंच फल्गु एव वर्तते इति सम्यग्दर्शनविशुद्धि-सन्निधानादेवं न मनसि करोति तस्य मुनेरदर्शनपरीषहजयो भवतीत्यवसानीयम्।

अर्थ :—चिर दीक्षित होने पर भी अवधिज्ञान या ऋद्धि आदि की प्राप्ति न होने पर जो मुनि विचार नहीं करता है कि यह दीक्षा निष्फल है, व्रतों का धारण करना व्यर्थ है इत्यादि, उस मुनि के अदर्शन-परीषह-जय होता है।

दर्शन-परीषह :—

नत्थि नूणं परे लोए, इड्ढी वावि तवस्सिणो।

अदुवा वंचिओ मि त्ति, इइ भिक्खू न चिंतए।।४४।।

अभू जिणा अत्थि जिणा, अदुवावि भविस्सइ।

मुसं ते एवमाहंसु, इइ भिक्खू न चिंतए।।४५।।

अर्थ :—निश्‍चय ही परलोक नहीं है, तपस्वी की ऋद्धि भी नहीं है अथवा मैं ठगा गया हूं—भिक्षु ऐसा चिन्तन न करे। जिन हुये थे, जिन हैं और जिन होंगे ऐसा जो कहते हैं वे झूठ बोलते हैं—भिक्षु ऐसा चिन्तन न करे।

अज्ञान-परीषह :—

निरट्ठगम्मि विहरओ, मेहुणाओ सुसंवुडो।

जो सक्खं नाभिजाणामि, धम्मं कल्लाण पावगं।।४२।।

तवोवहाणमादाय, पडिमं पडिवज्जओ।

एवं पि विहरओ मे, छउमं न नियट्टई।।४३।।

अर्थ :—मैं मैथुन से निवृत्त हुआ, इन्द्रिय और मन का मैंने संवरण किया—यह सब निरर्थक है। क्योंकि धर्म कल्याणकारी है या पापकारी—यह मैं साक्षात् नहीं जानता।

तपस्या और उपधान को स्वीकार करता हूं, प्रतिमा का पालन करता हूं—इस प्रकार विशेष चर्या से विहरण करने पर भी मेरा छद्म (ज्ञानावरण आदि कर्म) निवर्तित नहीं हो रहा है—ऐसा चिन्तन न करे।

मूलाचार में विचिकित्सा के दो भेद किये हैं—(१) द्रव्य- विचिकित्सा और (२) भाव-विचिकित्सा। भाव-विचिकित्सा के अंतर्गत बाईस परीषहों का उल्लेख हुआ है। उसमें अरति के स्थान पर अरति-रति, याचना के स्थान पर अयाचना और दर्शन के स्थान पर अदर्शन-परीषह है।

इन बाईस परीषहों के स्वरूप के अध्ययन से यह ज्ञात होता है कि कई परीषह सामान्य व्यक्तियों के लिए नहीं थे। वे जिनकल्प-प्रतिमा को स्वीकार करने वाले विशेष संहनन और धृति-युक्त मुनियों के लिये थे। शान्त्याचार्य ने भी इस ओर संकेत किया है। उनके अनुसार अचेल-परीषह (यहां हम अचेल का अर्थ नग्‍नता करते हैं) जिनकल्पी मुनियों के लिये तथा ऐसे स्थविरकल्पी मुनियों के लिये ग्राह्य है, जिन्हें वस्त्र मिलना अत्यन्त दुर्लभ है, जिनके पास वस्त्रों का अभाव है, जिनके वस्त्र जीर्ण हो गये हैं अथवा जो वर्षा आदि के बिना वस्त्र-धारण नहीं कर सकते और तृणस्पर्श-परीषह केवल जिनकल्पी मुनियों के लिए ग्राह्य है।

प्रवचनसारोद्धार की टीका में सर्वथा नग्‍न रहना तथा चिकित्सा न कराना, केवल जिनकल्पी मुनि के लिये ही बतलाया है।

व्याख्याकारों ने सभी परीषहों के साथ कथाएं जोड़कर उन्हें सुबोध बनाया है। कथाओं का संकेत निर्युक्ति में भी प्राप्त है।

परीषह-उत्पत्ति के कारण इस प्रकार बताये गये हैं :—

परीषहउत्पत्ति के कारक कर्म
१. प्रज्ञाज्ञानावरणीय
२. अज्ञानज्ञानावरणीय
३. अलाभअंतराय
४. अरतिचारित्र मोहनीय
५. अचेलचारित्र मोहनीय
६. स्त्रीचारित्र मोहनीय
७. निषद्या चारित्र मोहनीय
८. याचना चारित्र मोहनीय
९. आक्रोशचारित्र मोहनीय
१०. सत्कार-पुरस्कारचारित्र मोहनीय
११. दर्शन दर्शन मोहनीय
१२. क्षुधावेदनीय
१३. पिपासावेदनीय
१४. शीतवेदनीय
१५. उष्ण वेदनीय
१६. दंश-मशकवेदनीय
१७. चर्यावेदनीय
१८. शय्यावेदनीय
१९. वधवेदनीय
२०. रोगवेदनीय
२१. तृण-स्पर्शवेदनीय
२२. जल्लवेदनीय

ये सभी परीषह नौवें गुणस्थान तक हो सकते हैं। दशवें गुणस्थान में चारित्र-मोहनीय कर्म के उदय से होने वाले अरति आदि सात परीषह तथा दर्शन-मोहनीय से उत्पन्न दर्शन-परीषह को छोड़कर शेष चौदह परीषह होते हैं। छद्मस्थ वीतराग अर्थात् ग्यारहवें-बारहवें गुणस्थानवर्ती मुनि में भी ये ही चौदह परीषह हो सकते हैं। केवली में मात्र वेदनीय-कर्म के उदय से होने वाले ग्यारह परीषह पाये जाते हैं।

तत्त्वार्थ सूत्र में एक साथ उन्नीस परीषह माने हैं। जैसे—शीत और उष्ण में से कोई एक होता है। शय्या-परीषह के होने पर निषद्या और चर्या-परीषह नहीं होते। निषद्या-परीषह होने पर शय्या और चर्या-परीषह नहीं होते।

बौद्ध-भिक्षु काय-क्लेश को महत्त्व नहीं देते किन्तु परीषह-सहन की स्थिति को वे भी अस्वीकार नहीं करते। स्वयं महात्मा बुद्ध ने कहा है—''मुनि शीत, उष्ण, क्षुधा, पिपासा, वात, आतप, देश और सरीसृप का सामना कर खग्ग-विषाण की तरह अकेला विहरण करे।''

आचारांग निर्युक्ति में परीषह के दो विभाग हैं :—

१. शीत—मन्द परिणाम वाले। जैसे—स्त्री-परीषह और सत्कार-परीषह। ये दो अनुकूल परीषह हैं।

२. उष्ण—तीव्र परिणाम वाले। शेष बीस। ये प्रतिकूल परीषह हैं।

प्रस्तुत अध्ययन में परीषहों के विवेचन के रूप में मुनि-चर्या का बहुत ही महत्त्वपूर्ण निरूपण हुआ है।

बीयं अज्झयणं : परीसह पविभत्ती

दूसरा अध्ययन : परीषह-प्रविभक्ति

मूल

सू.१ —सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं— इह खलु बावीसं परीसहा समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइया, जे भिक्खू सोच्चा नच्चा जिच्चा अभिभूय भिक्खायरियाए परिव्वयंतो पुट्ठो नो विहन्नेज्जा।

हिन्‍दी अनुवाद

सू. १-आयुष्मन्! मैंने सुना है, भगवान् ने इस प्रकार कहा—निर्ग्रंथ-प्रवचन में बाईस परीषह होते हैं, जो काश्यप-गोत्रीय श्रमण भगवान् महावीर के द्वारा प्रवेदित हैं, जिन्हें सुनकर, जानकर, अभ्यास के द्वारा परिचितकर१, पराजितकर भिक्षाचर्या के लिए पर्यटन करता हुआ मुनि उनसे स्पृष्ट होने पर विचलित नहीं होता।

सू.२ —कयरे ते खलु बावीसं परीसहा समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइया, जे भिक्खू सोच्चा नच्चा जिच्चा अभिभूय भिक्खायरियाए परिव्वयंतो पुट्ठो नो विहन्नेज्जा?

सू. २-वे बाईस परीषह कौन से हैं, जो काश्यप-गोत्रीय श्रमण भगवान् महावीर के द्वारा प्रवेदित हैं, जिन्हें सुनकर, जानकर, अभ्यास के द्वारा परिचितकर, पराजितकर भिक्षाचर्या के लिए पर्यटन करता हुआ मुनि उनसे स्पृष्ट होने पर विचलित नहीं होता?

सू. ३ —इमे ते खलु बावीसं परीसहा समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइया, जे भिक्खू सोच्चा नच्चा जिच्चा अभिभूय भिक्खायरियाए परिव्वयन्तो पुट्ठो नो विहन्नेज्जा, तं जहा—

सू. ३-वे बाईस परीषह ये हैं, जो काश्यप-गोत्रीय श्रमण भगवान् महावीर के द्वारा प्रवेदित हैं, जिन्हें सुनकर, जानकर, अभ्यास के द्वारा परिचितकर, पराजितकर भिक्षाचर्या के लिए पर्यटन करता हुआ मुनि उनसे स्पृष्ट होने पर विचलित नहीं होता। जैसे-

१. दिगिंछापरीसहे २. पिवासापरीसहे ३. सीयपरीसहे ४. उसिणपरीसहे ५. दंसमसयपरीसहे ६. अचेलपरीसहे ७. अरइपरीसहे ८. इत्थीपरीसहे ९. चरियापरीसहे १०. निसीहियापरीसहे ११. सेज्जापरीसहे १२. अक्कोसपरीसहे १३. वहपरी-सहे १४. जायणापरीसहे १५. अलाभपरीसहे १६. रोगपरीसहे १७. तणफासपरीसहे १८. जल्लपरीसहे १९. सक्कारपुरक्कारपरीसहे २०. पण्णापरीसहे २१. अण्णाणपरीसहे २२. दंसणपरीसहे।

१. क्षुधा परीषह २. पिपासा परीषह ३. शीत परीषह ४. उष्ण परीषह ५. दंशमशक परीषह ६. अचेल परीषह ७. अरति परीषह ८. स्त्री परीषह ९. चर्या परीषह १०. निषद्या परीषह ११. शय्या परीषह १२. आक्रोश परीषह १३. वध परीषह १४. याचना परीषह १५. अलाभ परीषह १६. रोग परीषह १७. तृणस्पर्श परीषह १८. जल्ल परीषह १९. सत्कार-पुरस्कार २०. प्रज्ञा परीषह २१. अज्ञान परीषह २२. दर्शन परीषह।

१. परीसहाणं पविभत्ती, कासवेणं पवेइया।

तं भे उदाहरिस्सामि, आणुपुव्विं सुणेह मे।।

परीषहों का जो विभाग काश्यप-गोत्रीय भगवान् महावीर के द्वारा प्रवेदित या परूपित है, उसे मैं क्रमवार कहता हूं। तुम मुझे सुनो।

(१) दिगिंछापरीसहे

२. दिगिंछापरिगए देहे, तवस्सी भिक्खु थामवं।

न छिंदे न छिन्दावए, न पए न पयावए।।

(१) क्षुधा परीषह

देह में क्षुधा व्याप्त होने पर२ तपस्वी और प्राणवान् भिक्षु फल आदि का छेदन न करे, न कराए। उन्हें न पकाए और न पकवाए।३

३. कालीपव्वंगसंकासे, किसे धमणिसंतए।

मायण्णे असण-पाणस्स, अदीण-मणसो चरे।।

शरीर के अंग भूख से सूखकर काकजंघा४ नामक तृण जैसे दुर्बल हो जाएं, शरीर कृश हो जाएं, धमनियों का ढांचा५ भर रह जाएं तो भी आहार-पानी की मर्यादा को जानने वाला साधु अदीनभाव से विहरण करे।

(२) पिवासापरीसहे

४. तओ पुट्ठो पिवासाए, दोगुंछी लज्जसंजए।

सीओदगं न सेविज्जा, वियडस्सेसणं चरे।।

(२) पिपासा परीषह

अहिंसक या करुणाशील६ लज्जावान् संयमी साधु प्यास से पीड़ित होने पर सचित पानी७ का सेवन न करे, किन्तु प्रासुक जल की एषणा८ करे।

५. छिन्नावाएसु पंथेसु, आउरे सुपिवासिए।

परिसुक्कमुहेदीणे, तं तितिक्खे परीसहं।।

निर्जन मार्ग में जाते समय प्यास से अत्यंत आकुल हो जाने पर, मुंह सूख जाने पर भी साधु अदीनभाव से प्यास के परीषह को सहन करे।९

(३) सीयपरीसहे

६. चरंतं विरयं लूहं, सीयं फुसइ एगया।

नाइवेलं मुणी गच्छे, सोच्चाणं जिणसासणं।।

(३) शीत परीषह

विचरते हुए विरत और रूक्ष शरीर वाले साधु को१० शीत ऋतु में सर्दी सताती है। फिर भी वह जिन-शासन को सुनकर (आगम के उपदेश को ध्यान में रखकर) स्वाध्याय आदि की वेला (अथवा मर्यादा) का अतिक्रमण न करे।११

७. न मे निवारणं अत्थि, छवित्ताणं न विज्जई।

अहं तु अग्गिं सेवामि, इइ भिक्खू न चिंतए।।

शीत से प्रताड़ित होने पर मुनि ऐसा न सोचे-मेरे पास शीत-निवारक घर आदि नहीं हैं और छवित्राण (वस्त्र, कम्बल आदि) भी नहीं है, इसलिए मैं अग्‍नि का सेवन करूं।

(४) उसिणपरीसहे

८. उसिणपरियावेणं, परिदाहेण तज्जिए।

घिंसु वा परियावेणं, सायं नो परिदेवए।।

(४) उष्ण परीषह

गरम धूलि आदि के परिताप, स्वेद, मैल या प्यास के दाह१२ अथवा ग्रीष्मकालीन सूर्य के परिताप से अत्यन्त पीड़ित होने पर भी मुनि सुख के लिए विलाप न करे-आकुल-व्याकुल न बने।

९. उण्हाहितत्ते मेहावी, सिणाणं नो वि पत्थए।

गायं नो परिसिंचेज्जा, न वीएज्जा य अप्पयं।।

गर्मी से अभितप्त होने पर भी मेधावी१३ मुनि स्‍नान की इच्छा न करे। शरीर को गीला न करे। पंखे से शरीर पर हवा न ले।

(५) दंसमसयपरीसहे

१०. पुट्ठो य दंस-मसएहिं, समरेव महामुणी।

नागो संगामसीसे वा, सूरो अभिहणे परं।।

(५) दंशमशक परीषह

डांस और मच्छरों का उपद्रव होने पर भी महामुनि समभाव में रहे१४, क्रोध आदि का वैसे ही दमन करे जैसे युद्ध के अग्रभाग में रहा हुआ शूर१५ हाथी बाणों को नहीं गिनता हुआ शत्रुओं का हनन करता है।

११. न संतसे न वारेज्जा, मणं पि न पओसए।

उवेहे न हणे पाणे, भुंजंते मंससोणियं।।

भिक्षु उन दंश-मशकों से संत्रस्त न हो१६, उन्हें हटाए नहीं१७। मन में भी उनके प्रति द्वेष न लाए। मांस और रक्त खाने-पीने पर भी उनकी उपेक्षा करे१८, किन्तु उनका हनन न करे।१९

(६) अचेलपरीसहे

१२. परिजुण्णेहिं वत्थेहिं, होक्खामि त्ति अचेलए।

अदुवा सचेलए होक्खं, इइ भिक्खू न चिंतए।।

(६) अचेल परीषह

''वस्त्र फट गए हैं इसलिए मैं अचेल हो जाऊंगा अथवा वस्त्र मिलने पर फिर मैं सचेल हो जाऊंगा''- मुनि ऐसा न सोचे। (दीन और हर्ष दोनों प्रकार का भाव न लाए।)

१३. एगयाचेलए होइ, सचेले यावि एगया।

एयं धम्महियं नच्चा, नाणी नो परिदेवए।।

जिनकल्प-दशा में अथवा वस्त्र न मिलने पर मुनि अचेलक भी होता है और स्थविरकल्पदशा में वह सचेलक भी होता है। अवस्था-भेद के अनुसार इन दोनों (सचेलत्व और अचेलत्व) को यति धर्म के लिए हितकर जानकर ज्ञानी मुनि वस्त्र न मिलने पर दीन न बने।२०

(७) अरइपरीसहे

१४. गामाणुगामं रीयंतं, अणगारं अकिंचणं।

अरई अणुप्पविसे, तं तितिक्खे परीसहं।।

(७) अरति परीषह

एक गांव से दूसरे गांव में विहार करते हुए अकिंचन मुनि के चित्त में अरति उत्पन्न हो जाये तो उस परीषह को वह सहन करे।२१

१५. अरइं पिट्ठओ किच्चा, विरए आयरक्खिए।

धम्मारामे निरारंभे, उवसंते मुणी चरे।।

हिंसा आदि से विरत रहने वाला, आत्मा की रक्षा करने वाला२२, धर्म में रमण करने वाला, असत् प्रवृत्ति से दूर रहने वाला, उपशान्त मुनि अरति को दूर कर विहरण करे।२३

(८) इत्थीपरीसहे

१६. संगो एस मणुस्साणं, जाओ लोगंमि इत्थिओ।

जस्स एया परिण्णाया, सुकडं तस्स सामण्णं।।

(८) स्त्री परीषह

''लोक में जो स्त्रियां हैं, वे मनुष्यों के लिए संग हैं- लेप हैं''२४-जो इस बात को जान लेता है, उसके लिए श्रामण्य सुकर है।२५

१७. एवमादाय मेहावी, पंकभूया उ इत्थिओ।

नो ताहिं विणिहन्नेज्जा, चरेज्जत्तगवेसए।।

''स्त्रियां ब्रह्मचारी के लिए दल-दल के समान हैं''-यह जानकार मेधावी मुनि उनसे अपने संयम-जीवन की घात न होने दे, किन्तु आत्मा की गवेषणा करता हुआ विचरण करे।२६

(९) चरियापरीसहे

१८. एग एव चरे लाढे, अभिभूय परीसहे।

गामे वा नगरे वावि, निगमे वा रायहाणिए।।

(९) चर्या परीषह

संयम के लिए२७ जीवन-निर्वाह करने वाला मुनि परीषहों को जीतकर गांव में या नगर में, निगम२८ में या राजधानी में अकेला२९ (राग-द्वेष रहित होकर) विचरण करे।

१९. असमाणो चरे भिक्खू, नेव कुज्जा परिग्गहं।

असंसत्तो गिहत्थेहिं, अणिएओ परिव्वए।।

मुनि एक स्थान पर आश्रम बनाकर न बैठे३० किन्तु विचरण करता रहे।३१ गांव आदि के साथ ममत्व न करे, उनसे प्रतिबद्ध न हो। गृहस्थों से निर्लिप्त रहे। अनिकेत (गृह-मुक्त) रहता हुआ परिव्रजन करे।३२

(१०) निसीहियापरीसहे

२०. सुसाणे सुन्नगारे वा, रुक्खमूले व एगओ।

अकुक्कुओ निसीएज्जा, न य वित्तासए परं।।

(१०) निषद्या परीषह

राग-द्वेष रहित मुनि चपलताओं का वर्जन करता हुआ३३ श्मशान, शून्यगृह अथवा वृक्ष के मूल३४ में बैठे। दूसरों को त्रास न दे।३५

२१. तत्थ से चिट्ठमाणस्स, उवसग्गाभिधारए।

संकाभीओ न गच्छेज्जा, उट्ठित्ता अन्नमासणं।।

वहां बैठे हुए उसे उपसर्ग प्राप्त हों तो वह यह चिन्तन करे-''ये मेरा क्या अनिष्ट करेंगे?'' किन्तु अपकार की शंका से डर कर वहां से उठ दूसरे स्थान पर न जाए।३६

(११) सेज्जापरीसहे

२२. उच्चावयाहिं सेज्जाहिं, तवस्सी भिक्खु थामवं।

नाइवेलं विहन्नेज्जा, पावदिट्ठी विहन्नई।।

(११) शय्या परीषह

तपस्वी और प्राणवान् भिक्षु उत्कृष्ट या निकृष्ट उपाश्रय को पाकर३७ मर्यादा का अतिक्रमण न करे (हर्ष या शोक न लाए)।३८ जो पापदृष्टि होता है, वह विहत हो जाता है (हर्ष या शोक से आक्रान्त हो जाता है)।

२३. पइरिक्कुवस्सयं लद्धुं, कल्लाणं अदु पावगं।

किमेगरायं करिस्सइ, एवं तत्थऽहियासए।।

प्रतिरिक्त (एकान्त) उपाश्रय-भले फिर वह सुन्दर हो या असुन्दर-को पाकर३९ ''एक रात में क्या होना जाना है''४०-ऐसा सोचकर रहे, जो भी सुख-दु:ख हो उसे सहन करे।४१

(१२) अक्कोसपरीसहे

२४. अक्कोसेज्ज परो भिक्खुं, न तेसिं पडिसंजले।

सरिसो होइ बालाणं, तम्हा भिक्खू न संजले।।

(१२) आक्रोश परीषह

कोई मनुष्य भिक्षु को गाली दे तो वह उसके प्रति क्रोध४२ न करे। क्रोध करने वाला भिक्षु बालकों (अज्ञानियों) के सदृश हो जाता है,४३ इसलिए भिक्षु क्रोध न करे।

२५. सोच्चाणं फरुसा भासा, दारुणा गामकंटगा।

तुसिणीओ उवेहेज्जा, न ताओ मणसीकरे।।

मुनि परुष, दारुण और ग्राम-कंटक४४ (कर्ण-कंटक) भाषा को सुनकर मौन रहता हुआ उसकी उपेक्षा करे,४५ उसे मन में न लाए।४६

(१३) वहपरीसहे

२६. हओ न संजले भिक्खू, मणं पि न पओसए।

तितिक्खं परमं नच्चा, भिक्खुधम्मं विचिंतए।।

(१३) वध परीषह

पीटे जाने पर भी मुनि क्रोध४७ न करे, मन में भी द्वेष न लाए। तितिक्षा को परम४८ जानकर मुनि-धर्म४९ का चिन्तन करे।

२७. समणं संजयं दंतं, हणेज्जा कोइ कत्थई।

नत्थि जीवस्स नासु त्ति, एवं पेहेज्ज संजए।।

संयत और दान्त श्रमण को५० कोई कहीं पीटे तो वह ''आत्मा का नाश नहीं होता''५१-ऐसा चिन्तन करे, पर प्रतिशोध की भावना न लाए।५२

(१४) जायणापरीसहे

२८. दुक्करं खलु भो! निच्चं, अणगारस्स भिक्खुणो।

सव्वं से जाइयं होइ, नत्थि किंचि अजाइयं।।

(१४) याचना परीषह

ओह! अनगार भिक्षु की यह चर्या कितनी कठिन है कि उसे जीवन भर सब कुछ याचना से मिलता है। उसके पास अयाचित कुछ भी नहीं होता।५३

२९. गोयरग्गपविट्ठस्स, पाणी नो सुप्पसारए।

सेओ अगारवासु त्ति, इइ भिक्खू न चिंतए।।

गोचराग्र में५४ प्रविष्ट मुनि के लिए गृहस्थों के सामने हाथ पसारना सरल नहीं है।५५ अत: ''गृहवास ही श्रेय है''५६-मुनि ऐसा चिन्तन न करे।

(१५) अलाभपरीसहे

३०. परेसु घासमेसेज्जा, भोयणे परिणिट्ठिए।

लद्धे पिंडे अलद्धे वा, नाणुतप्पेज्ज संजए।।

(१५) अलाभ परीषह

गृहस्थों के घर भोजन तैयार हो जाने पर मुनि उसकी एषणा करे। आहार थोड़ा मिलने या न मिलने पर संयमी मुनि अनुताप न करे।५७

३१. अज्जेवाहं न लब्भामि, अवि लाभो सुए सिया।

जो एवं पडिसंविक्खे, अलाभो तं न तज्जए।।

''आज मुझे भिक्षा नहीं मिली, परन्तु संभव है कल मिल जाय''-जो इस प्रकार सोचता है, उसे अलाभ नहीं सताता।५८

(१६) रोगपरीसहे

३२. नच्चा उप्पइयं दुक्खं, वेयणाए दुहट्टिए।

अदीणो थावए पण्णं, पुट्ठो तत्थहियासए।।

(१६) रोग परीषह

रोग को५९ उत्पन्न हुआ जानकर तथा वेदना से पीड़ित होने पर दीन न बने। व्याधि से विचलित होती हुई प्रज्ञा को स्थिर बना और प्राप्त दु:ख को समभाव से सहन करे।६०

३३. तेगिच्छं नाभिनंदेज्जा, संचिक्खत्तगवेसए।

एयं खु तस्स सामण्णं, जं न कुज्जा न कारवे।।

आत्म-गवेषक मुनि चिकित्सा का अनुमोदन न करे। रोग हो जाने पर समाधि पूर्वक रहे।६१ उसका श्रामण्य यही है कि वह रोग उत्पन्न होने पर भी चिकित्सा न करे, न कराए।६२

(१७) तणफासपरीसहे

३४. अचेलगस्स लूहस्स, संजयस्स तवस्सिणो।

तणेसु सयमाणस्स, हुज्जा गायविराहणा।।

(१७) तृणस्पर्श परीषह

अचेलक और रूक्ष शरीर वाले संयत तपस्वी के घास पर सोने से शरीर में चुभन होती है।६३

३५. आयवस्स निवाएणं, अउला हवइ वेयणा।

एवं नच्चा न सेवंति, तंतुजं तणतज्जिया।।

गर्मी पड़ने से अतुल वेदना होती है६४-यह जानकर भी तृण से पीड़ित मुनि वस्त्र का६५ सेवन नहीं करते।

(१८) जल्लपरीसहे

३६. किलिन्नगाए मेहावी, पंकेण व रएण वा।

घिंसु वा परितावेण, सायं नो परिदेवए।।

(१८) जल्ल परीषह

मैल, रज६६ या ग्रीष्म के परिताप से६७ शरीर के क्लिन्न (गीला या पंकिल) हो जाने पर मेधावी मुनि सुख के लिए विलाप न करे।६८

३७. वेएज्ज निज्जरा-पेही, आरियं धम्मऽणुत्तरं।

जाव सरीरभेउ त्ति, जल्लं काएण धारए।।

निर्जरार्थी मुनि अनुत्तर आर्य-धर्म (श्रुत-चारित्र-धर्म) को पाकर देह-विनाश पर्यन्त काया पर 'जल्ल' (स्वेद-जनित मैल) को धारण करे और तज्जनित परीषह को सहन करे।

(१९) सक्कारपुरक्कारपरीसहे

३८. अभिवायणमब्भुट्ठाणं, सामी कुज्जा निमंतणं।

जे ताइं पडिसेवंति, न तेसिं पीहए मुणी।।

(१९) सत्कार-पुरस्कार परीषह

अभिवादन और अभ्युत्थान करना तथा 'स्वामी'-इस संबोधन से संबोधित करना-जो गृहस्थ इस प्रकार की प्रतिसेवना-सम्मान करते हैं, मुनि इन सम्मानजनक व्यवहारों की स्पृहा न करे।६९

३९. अणुक्कसाई अप्पिच्छे, अण्णाएसी अलोलुए।

रसेसु नाणुगिज्झेज्जा, नाणुतप्पेज्ज पण्णवं।।

अल्प कषाय वाला, अल्प इच्छा वाला, अज्ञात कुलों से भिक्षा लेने वाला७०, अलोलुप भिक्षु रसों में गृद्ध न हो। प्रज्ञावान् मुनि दूसरों को सम्मानित देख अनुताप न करे।७१

(२०) पण्णापरीसहे

४०. से नूणं मए पुव्वं, कम्माणाणफला कडा।

जेणाहं नाभिजाणामि, पुट्ठो केणइ कण्हुई।।

(२०) प्रज्ञा परीषह

निश्‍चय ही मैंने पूर्वकाल में अज्ञानरूप-फल देने वाले कर्म किए हैं। उन्हीं के कारण मैं किसी के कुछ पूछे जाने पर भी कुछ नहीं जानता-उत्तर देना नहीं जानता।७२

४१. अह पच्छा उइज्जंति, कम्माणाणफला कडा।

एवमस्सासि अप्पाणं, नच्चा कम्मविवागयं।।

''पहले किए हुए अज्ञानरूप-फल देने वाले कर्म पकने के पश्‍चात् उदय में आते हैं''७३-इस प्रकार कर्म के विपाक को जानकर मुनि आत्मा को आश्‍वासन दे।७४

(२१) अण्णाणपरीसहे

४२. निरट्ठगम्मि विरओ, मेहुणाओ सुसंवुडो।

जो सक्खं नाभिजाणामि, धम्मं कल्लाण पावगं।।

(२१) अज्ञान परीषह

''मैं मैथुन से निवृत्त हुआ७५, इन्द्रिय और मन का मैंने संवरण किया-यह सब निरर्थक है। क्योंकि धर्म कल्याणकारी है या पापकारी७६-यह मैं साक्षात् नहीं जानता।''

४३. तवोवहाणमादाय, पडिमं पडिवज्जओ।

एवं पि विहरओ मे, छउमं न नियट्टई।।

तपस्या और उपधान को७७ स्वीकार करता हूं, प्रतिमा का७८ पालन करता हूं-इस प्रकार विशेष चर्या से विहरण करने पर भी मेरा छद्म७९ (ज्ञान का आवरण) निवर्तित नहीं हो रहा है-ऐसा चिंतन न करे।८०

(२२) दंसणपरीसहे

४४. नत्थि नूणं परे लोए, इड्ढी वावि तवस्सिणो।

अदुवा वंचिओ मि त्ति, इइ भिक्खू न चिंतए।।

(२२) दर्शन परीषह

''निश्‍चय ही परलोक नहीं है, तपस्वी की ऋद्धि८१ भी नहीं है अथवा मैं ठगा गया हूं''-भिक्षु ऐसा चिन्तन न करे।

४५. अभू जिणा अत्थि जिणा, अदुवावि भविस्सई।

मुसं ते एवमाहंसु, इइ भिक्खू न चिंतए।।

''जिन हुए थे, जिन हैं और जिन होंगे-ऐसा जो कहते हैं वे झूठ बोलते हैं''-भिक्षु ऐसा चिंतन न करे।८२

४६. एए परीसहा सव्वे, कासवेण पवेइया।

जे भिक्खू न विहन्नेज्जा, पुट्ठो केणइ कण्हुई।।

इन सभी परीषहों का काश्यप-गोत्रीय भगवान् महावीर ने प्ररूपण किया है। इन्हें जानकर, इनमें से किसी के द्वारा कहीं भी स्पृष्ट होने पर मुनि इनसे पराजित (अभिभूत) न हो।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २ : परिषह-प्रविभक्ति

१. अभ्यास के द्वारा परिचित कर (जिच्चा)

बृहद्वृत्ति में 'जिच्चा' का संस्कृत रूप 'जित्वा' और अर्थ—पुन:-पुन: अभ्यास के द्वारा परिचित कर, किया है। यह 'जिं जये' धातु का रूप है। इसका अर्थ होता है—जीत कर। चूर्णि में 'जिणित्ता' जीतकर अर्थ किया है।

हमने इसको 'चिं चये' धातु से निष्पन्न कर इसका संस्कृत रूप 'चित्वा' किया है। प्रस्तुत अर्थ के परिप्रेक्ष्य में यही संगत लगता है।

२. क्षुधा व्याप्त होने पर (दिगिंछापरिगए)

सामान्यत: मनुष्य रोग से आक्रान्त होने पर ही क्षुधा परीषह को सहन करता है—आहार को छोड़ता है अथवा अल्पाहार करता है। उसके लिए अल्प आहार करना एक विवशता है। भगवान् महावीर रोग से अस्पृष्ट होने पर भी क्षुधा परीषह को सहन करते थे—अल्प आहार का प्रयोग करते थे। उनके लिए कहा गया है—'ओमोदरियं चाएति, अपुट्ठे वि भगवं रोगेहिं।'

३. श्‍लोक २

परीषह प्रकरण में 'क्षुधा परीषह' को स्थान क्यों दिया गया? चूर्णिकार ने इसका समाधान 'क्षुधासमा नास्ति शरीर वेदना'—भूख के समान दूसरी शारीरिक वेदना नहीं है—कहकर किया है।

नेमिचन्द्र यहां एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत करते हैं—

पंथसमा नत्थि जरा, दारिद्दसमो य परिभवो नत्थि।

मरणसमं नत्थि भयं, खुहासमा वेयणा नत्थि।।

पंथ के समान कोई बुढ़ापा नहीं है, दरिद्रता के समान कोई पराभव नहीं है, मृत्यु के समान कोई भय नहीं है और क्षुधा के समान कोई वेदना नहीं है।

प्रस्तुत श्‍लोक में प्रयुक्त 'दिगिंछा' देशी शब्द है। इसका अर्थ है—क्षुधा, बुभुक्षा, भूख।

४. काकजंघा (कालीपव्व)

इसका अर्थ है 'काक-जंघा' नामक तृण। इसे हिन्दी में घुंघची या गुंजा कहा जाता है।

चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'तृण विशेष' जिसको कई लोग 'काक-जंघा' कहते हैं, किया है।

टीकाकार भी इसी अर्थ को मान्य करते हैं। परन्तु आधुनिक विद्वान् डॉ. हरमन जेकोबी, डॉ. सांडेसरा आदि ने 'काक-जंघा' का अर्थ कौए की जंघा किया है।

बौद्ध साहित्य में अल्प-आहार से होने वाली शारीरिक अवस्था के वर्णन में 'काल-पव्वानि' शब्द आया है। राहुलजी ने इसका अर्थ 'काल वृक्ष के पर्व' किया है। यह अर्थ टीकाकारों के अर्थ से मिलता-जुलता है।

काल-जंघा नामक तृण-वृक्ष के पर्व स्थूल और उसके मध्यदेश कृश होते हैं। उसी प्रकार जिस भिक्षु के घुटने, कोहनी आदि स्थूल और जंघा, ऊरु (साथल), बाहु आदि कृश होते हैं, उसे 'कालीपव्वंगसंकासे' (कालीपर्वसंकाशाङ्ग) कहा जाता है।

५. धमनियों का ढांचा (धमणिसंतए)

इसका भावार्थ है—अत्यन्त कृश, जिसका शरीर केवल धमनियों का जाल-मात्र रह गया हो।

बौद्ध-ग्रंथों में भी 'किसं धमनिसन्थतं' ऐसा प्रयोग आया है। उसका अर्थ-दुबला-पतला, नसों से मढ़े शरीर वाला है। इस प्रयोग से एक तर्क होता है कि एक ओर तो बौद्ध तपस्या का खण्डन करते हैं और दूसरी ओर 'किसं धमनिसन्थतं' को अच्छा बताते हुए उसे ब्राह्मण का लक्षण मानते हैं। इसका क्या कारण है? इस प्रयोग को तथा मज्झिमनिकाय (१२।६।१९/२०) के विवरण को देखने पर यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि बौद्धों पर जैन-साहित्य और तपस्या-विधि का प्रभाव रहा है।

भागवत में भी—''एवं चीर्णेन तपसा, मुनिधर्मनिसन्तत:''—ऐसा प्रयोग आया है।

इससे यह प्रतीत होता है कि तीनों (जैन, बौद्ध और वैदिक) धार्मिक परम्पराओं में कुछ रेखाएं समान रूप से खींची हुई हैं।

६. अहिंसक या करुणाशील (दोगुंछी)

'दोगुंछी' शब्द का संस्कृत रूपान्तरण है—जुगुप्सी। इसका शाब्दिक अर्थ है—घृणा करने वाला अथवा करुणा करने वाला। मुनि हिंसा से, अनाचार से घृणा करता है। मुनि जब प्यास से आक्रान्त भी हो जाए तब भी वह सचित्त जल का सेवन न करे, क्योंकि वह अहिंसक है। सचित्त जल का सेवन करना अनाचार है, हिंसा है। वह हिंसा से घृणा करता है अथवा प्राणी मात्र के प्रति अहिंसक व्यवहार करता है। इसलिए भावार्थ में 'दोगुंछी' का अर्थ अहिंसक होता है।

चूर्णि में असंयम से जुगुप्सा करने वाले को 'दोगुंछी' कहा है।

७. सचित्त पानी (सीओदगं)

शीत का अर्थ है ठण्डा। शीत-उदक—यह स्वरूपस्थ (शस्त्र से अनुपहत या सजीव) जल का सूचक है। डॉ. हरमन जेकोबी ने इसका अर्थ Cold Water 'ठण्डा पानी' किया है।

यह शब्द का लाक्षणिक अर्थ है, भ्रामक भी है। ठण्डा पानी सचित्त भी हो सकता है और अचित्त भी। यहां सचित्त अर्थ अभिप्रेत है।

८. प्रासुक जल की एषणा (वियडस्सेसणं)

बृहद्वृत्तिकार ने 'वियड' का संस्कृत रूप 'विकृत' देकर, इसका अर्थ अग्‍नि आदि से संस्कारित किया है। प्रस्तुत प्रसंग में यह अचित्त या निर्जीव जल के लिए प्रयुक्त है। 'वियड' देशी शब्द है।

९. प्यास का परीषह

पिता और पुत्र दोनों प्रव्रजित हो गए। एक बार वे मध्यान्ह में विहार कर एक नगर की ओर प्रस्थित हुए। रास्ते में भयंकर अटवी थी। छोटे मुनि को प्यास लगी और वह अपने पिता (मुनि) के पीछे धीरे-धीरे चलने लगा। अन्यान्य मुनि भी साथ थे। रास्ते में एक नदी आ गई। पिता-मुनि ने स्‍नेह से अभिभूत होकर अपने पुत्र-मुनि को कहा—''वत्स! नदी का पानी पीकर प्यास बुझाओ। फिर प्रायश्‍चित्त कर लेना।'' पिता-मुनि नदी में उतरा।

उसने सोचा—मैं कुछ आगे चलूं, जिससे कि यह बाल मुनि पानी पी ले। कहीं मेरी आशंका से यह पानी न पीए—ऐसा सोचकर वह एक ओर चला गया।

बाल मुनि नदी में उतरा। उसका मन कुछ शिथिल हुआ। उसने अंजलि में पानी लिया। उसकी विवेक-चेतना जागी। उसने मन ही मन सोचा—'ओह! कैसे पीऊं इन जीवों को?'

भगवान् ने कहा है—

एकम्मि उदगबिंदुम्मि, जे जीवा जिणवरेहिं पन्नत्ता।

ते पारेवयमेत्ता, जंबूद्दीवे ण माएज्जा।।

जत्थ जलं तत्थ वणं, जत्थ वणं निच्छिओ तेऊ।

तेऊ वाउसहगओ, तसा य पच्चक्खया चेव।।

ता हंतूण परप्पाणे, अप्पाणं जो करेइ सप्पाणं।

अप्पाणं दिवसाणं, कएण नासेइ सप्पाणं।।

बाल मुनि को अत्यन्त विरक्ति हो गई। उसने सोचा—मैं अपने अल्प जीवितव्य के लिए इतने प्राणियों की हत्या करूं—यह मेरे लिए उचित नहीं है। यह सोचकर वह वहां से प्यासा ही चला। नदी पार की। प्यास बढ़ती ही गई। मृत्यु को निकट जानकर उसने एक वृक्ष के नीचे विश्राम किया और नमस्कार महामंत्र का जाप करते-करते दिवंगत हो गया।

सभी मुनियों ने बाल मुनि की धृति को सराहा और उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

१०. रूक्ष शरीर वाले साधु को (लूहं)

शीत परीषह के संदर्भ में 'रूक्ष' शब्द का प्रयोग अर्थ-सूचक है। स्‍निग्धता शरीर में गर्मी पैदा करती है, इसलिए स्‍निग्ध शरीर वाले को सर्दी कम सताती है। मुनि रूक्ष शरीर वाला है, वह विचरणशील है और वह विरत—अग्‍नि के समारंभ तथा गृह-व्यापार से मुक्त है—प्रस्तुत श्‍लोक में उल्लिखित ये तीनों अवस्थाएं शीतस्पर्श को प्रखर बनाने वाली हैं।

शरीर की रूक्षता के दो कारण हैं—स्‍निग्ध भोजन का अभाव और स्‍नान आदि का अभाव। जो मुनि निरंतर रूक्ष भोजन करता है, स्‍नान नहीं करता, उसका शरीर रूक्ष—सूखा हो जाता है। रूक्ष शरीर वाले को शीत, आतप आदि सताते हैं। रूक्ष आहार से मूत्र की अधिकता होती है, बार-बार शंका निवृत्ति के लिए जाना होता है, इससे स्वाध्याय में बाधा उपस्थित होती है। रूक्ष आहार से चिड़चिड़ापन भी बढ़ता है और व्यक्ति बार-बार और शीघ्र कुपित होने लगता है।

भगवान् महावीर जब लाट देश में गए तब उन्हें वहां अनेक कष्ट सहने पड़े। उस देश में अन्न की उपज कम होती थी। प्रदेश पथरीला था। लोग रूखा-सूखा खाकर जीवन-निर्वाह करते थे, इसलिए वे अत्यधिक क्रोधी और चिड़चिडे स्वाभाव के थे।

इस प्रकार रूक्ष भोजन शरीर और मन दोनों को प्रभावित करता है।

जैन मुनियों के लिए यह विधान है कि वे स्‍निग्ध आहार भी निरंतर न करें और रूक्ष आहार भी निरंतर न करें। दोनों में सामंजस्य बिठाएं। केवल स्‍निग्ध आहार करने से उन्माद बढ़ता है और केवल रूक्ष आहार करने से क्रोध आदि की वृद्धि होती है, मेधा कमजोर होती है।

हेराक्लाइटस ने कठोरता और रूक्षता को जगत् का मूल तत्त्व माना। उसने कहा—Keep your life dry—जीवन को सूखा बनाओ। इसके आधार पर संयम का विकास हुआ। भगवान् महावीर और हेराक्लाइटस—दोनों ने संयम के अर्थ में एक ही शब्द—रूक्ष—का प्रयोग किया है।

११. (शीत परीषह)

आचार्य भद्रबाहु राजगृह नगरी में समवसृत हुए। चार वणिक् मित्र उनके पास प्रव्रजित हुए। उन चारों ने आचार्य के पास विपुल श्रुतज्ञान अर्जित किया। उन्होंने अपनी आत्मशक्ति को उत्तेजित कर, एकल-विहार-प्रतिमा को स्वीकार कर चारों साथ-साथ जनपद विहार करने लगे। एक बार वे राजगृह आए। उस समय हेमंत ऋतु अपने यौवन पर थी। शीत का भयंकर प्रकोप सारे नगर को आतंकित कर रहा था। उस शीत वायु से अनेक पशु-पक्षी मर गए। वृक्ष जल गए, सूख गए। वे चारों मुनि स्वाध्याय और ध्यान से निवृत्त होकर दिन के तीसरे प्रहर में गोचरी के लिए निकले। चारों राजगृह की भिन्न-भिन्न दिशाओं में गए। उन्हें लौटकर वैभारगिरि पर्वत पर आना था। एक मुनि भोजन लेकर आ रहा था। वैभारगिरि के गुफा द्वार पर आते-आते दिन का चौथा प्रहर प्रारंभ हो गया। वह वहीं प्रतिमा—कायोत्सर्ग में स्थित हो गया। भोजन नहीं किया। दूसरा मुनि जब नगर के उद्यान तक पहुंचा तब चौथा प्रहर प्रारंभ हो गया। वह वहीं स्थित हो गया। तीसरा एक उद्यान के पास स्थित हो गया और चौथा नगर के पास प्रतिमा में खड़ा हो गया। एकल-विहार की साधना करने वाले साधकों की यह मर्यादा होती है कि जहां जब दिन का चौथा प्रहर प्रारंभ हो जाता है, उन्हें वहीं प्रतिमा में स्थित हो जाना होता है।

गुफाद्वार पर स्थित मुनि के पर्वत की वायु के भयंकर थपेड़े लग रहे थे। पर वह मेरु की भांति निष्प्रकंप और अटल रहा। वह रात्री के प्रथम प्रहर में दिवंगत हो गया। इसी प्रकार शीत के प्रचंड प्रकोप से पीड़ित होकर दूसरा रात्री के दूसरे प्रहर में, तीसरा तीसरे प्रहर में और चौथा चौथे प्रहर में दिवंगत हो गया।

यह निदर्शन है शीत परीषह को समभाव से सहन करने का।

१२. स्वेद, मैल या प्यास के दाह (परिदाहेण)

दाह दो प्रकार का होता है—बाह्य दाह और आन्तरिक दाह। स्वेद, मैल आदि द्वारा शरीर में जो दाह होता है वह बाह्य-दाह है और प्यास जनित दाह को आन्तरिक दाह कहते हैं। यहां दोनों प्रकार के दाह अभिप्रेत हैं। चूर्णिकार ने इस प्रसंग में एक सुन्दर श्‍लोक उद्धृत किया है :

उवरिं तावेइ रवी, रविकरपरिताविता दहइ भूमी।

सव्वादो, परिदाहो, दसमलपरितंगा तस्स।।

१३. मेधावी (मेहावी)

धारणा में क्षम बुद्धि 'मेधा' कहलाती है। प्रस्तुत प्रसंग में मेधा का अर्थ है—मर्यादा। जो मर्यादा का अतिक्रमण नहीं करता वह मेधावी कहलाता है। इसका निरुक्त है—'मेहया (मेरया) धावतीति मेधावी।'

उपासकदशा की वृत्ति में आचार्य अभयदेवसूरी ने 'मेहावी' का निरुक्त इस प्रकार किया है—मेहावीत्ति सकृत्दृष्टश्रुतकर्मज्ञ:—जो एक बार देखे हुए या सुने हुए कार्य को करने की पद्धति जान जाता है, वह मेधावी होता है।

१४. समभाव में रहे (समरेव)

शान्त्याचार्य के अनुसार मूल शब्द 'सम एव' है। परन्तु प्राकृत व्याकरण की दृष्टि से 'ए' को 'रेफ' हो जाने पर 'समरेव' शब्द बना है। चूर्णिकार ने 'समरे' का अर्थ युद्ध किया है। वृत्तिकार ने वैकल्पिक रूप में चूर्णिकार का अनुगमन कर 'समरे' को 'संगामसीसे' का विशेषण माना है।

१५. शूर (सूरो)

व्याख्याकारों ने मुख्यत: शूर शब्द को 'नाग'-हाथी का विशेषण माना है। वैकल्पिक रूप में 'शूर' शब्द को स्वतंत्र मानकर उसका अर्थ शूरवीर योद्धा किया है।

जेकोबी ने 'शूर' को स्वतंत्र मानकर इसका अर्थ आत्म-योद्धा किया है।

१६. संत्रस्त न हो (न संतसे)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—हाथ, पैर आदि अवयवों को न हिलाए, न उछाले—किया है।

शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किये हैं—(१) दंशमशक आदि से संत्रस्त न हो। (२) हाथ, पैर आदि अवयवों को न हिलाए।

डॉ. हरमन जेकोबी और डॉ. सांडेसरा ने इसका अर्थ—प्राणियों को त्रसित न करना—किया है।

इसमें परस्पर कोई विरोध नहीं है, परन्तु परीषह का प्रकरण है इसलिए शान्त्याचार्य का प्रथम अर्थ अधिक उपयुक्त है।

१७. हटाना (वारेज्जा)

इसका अर्थ है हटाना, निषेध करना। मुनि हाथ, वस्त्र, शाखा, धूम आदि उपायों से डांस और मच्छरों का निवारण न करे।

१८. उपेक्षा करे (उवेहे)

दंश-मशकों के द्वारा काटे जाने पर मुनि उनकी उपेक्षा करे, उन पर राग-द्वेष न लाए। वह यह सोचे—ये असंज्ञी हैं, भोजन के प्रयोजन से घूम रहे हैं। मेरा शरीर इनके लिए भोज्य है, सर्वसाधारण जैसा है। यदि ये मेरे शरीर से अत्यंत अल्प-मात्रा में रक्त और मांस खाते हैं तो क्या है? मुझे इन पर द्वेष नहीं करना चाहिए। ये रक्त ही तो पी रहे हैं, मेरी आत्मा का उपहनन तो नहीं कर रहे हैं।

१९. दंश-मशक परिषह

श्रमणभद्र राजपुत्र था। उसका मन विरक्त हुआ और वह धर्मघोष आचार्य के पास प्रव्रजित हो गया। वह आगमों का पूरा पारायण कर अपनी शक्ति को तोलकर एकलविहार प्रतिमा को स्वीकार कर विचरने लगा। शरद् ऋतु। अटवी में वह ध्यान-स्थित हो गया। रात्री का समय। दंश-मशकों ने आक्रमण किया। उसके अनावृत शरीर को वे काटने लगे। भयंकर वेदना। उसने सोचा—'यह वेदना कितने क्षणों की है? इससे भी अनन्तगुणा अधिक वेदना मैंने नरकावासों में सही है।' मुनि आत्मस्थ हो गया। अपनी चेतना के समुद्र में निमज्जन कर उसने सोचा—

'अन्नं इमं सरीरं, अन्नो जीवो त्ति एव कयबुद्धी।

दुक्खकरं जीव! तुमं, छिंद ममत्तं सरीरम्मि।।'

—आत्मन्! तू सोच। यह शरीर भिन्न है और आत्मा भिन्न है। जो शरीर के प्रति मूढ़ होता है वह दु:ख के आवर्त में फंसता जाता है। तू शरीर के मोह को तोड़ और अपनी चेतना में उन्मज्जन-निमज्जन कर।

इस आलंबन सूत्र से मुनि ने उस पीड़ा को सहा। दंश-मशकों ने उसके शरीर को रक्तहीन कर डाला। वह उसी रात दिवंगत हो गया, पर अधृति में नहीं फंसा।

२०. श्‍लोक १३ :

इस श्‍लोक में आया हुआ 'एगया' शब्द मुनि की जिनकल्पिक और स्थविरकल्पिक अवस्थाओं तथा वस्त्राभाव आदि अवस्थाओं की ओर संकेत करता है।

चूर्णिकार के अनुसार मुनि जिनकल्प अवस्था में 'अचेलक' होता है। स्थविरकल्प अवस्था में वह दिन में, ग्रीष्म ऋतु में या वर्षा ऋतु में बरसात न आने तक भी अचेलक रहता है। शिशिर-रात्र (पौष और माघ), वर्षा-रात्र (भाद्र और आश्‍विन), बरसात गिरते समय तथा प्रभात काल में भिक्षा के लिए जाते समय वह 'सचेलक' रहता है।

इससे यह लगता है कि एक ही मुनि एक ही काल में अचेलक और सचेलक—दोनों अवस्थाओं में रहता है।

शान्त्याचार्य के अनुसार जिनकल्प अवस्था में मुनि अचेलक होता है और स्थविरकल्प अवस्था में भी जब वस्त्र दुर्लभ हो जाते हैं या सर्वथा मिलते ही नहीं अथवा वस्त्र होने पर भी वर्षा ऋतु के बिना उनको धारण न करने की परम्परा होने के कारण अथवा वस्त्रों के फट जाने पर—वह अचेलक हो जाता है। नेमिचन्द्र का अभिमत भी संक्षेप में यही है।

हेमन्त के चले जाने और ग्रीष्म के आ जाने पर मुनि एकशाटक या अचेल हो जाए—यह आचारांग में बताया गया है। रात को हिम, ओस आदि के जीवों की हिंसा से बचने के लिए तथा बरसात में जल के जीवों से बचने के लिए वस्त्र पहनने-ओढ़ने का भी विधान मिलता है।

स्थानांग में कहा है—पांच स्थानों से अचेलक प्रशस्त होता है—

(१) उसके प्रतिलेखना अल्प होती है।

(२) उसका लाघव (उपकरण तथा कषाय की अल्पता) प्रशस्त होता है।

(३) उसका रूप (वेष) वैश्‍वासिक (विश्‍वास योग्य) होता है।

(४) तपोनुज्ञात—उसका तप (प्रतिसंलीनता नामक बाह्य तप का एक प्रकार—उपकरण संलीनता) जिनानुमत होता है।

(५) उसके विपुल इन्द्रिय-निग्रह होता है।

स्थानांग के तीसरे स्थान में कहा है—तीन कारणों से निर्ग्रन्थ और निर्ग्रन्थनियां वस्त्र धारण कर सकती हैं—

(१) लज्जा निवारण के लिए।

(२) जुगुप्सा—घृणा निवारण के लिए।

(३) परीषह निवारण के लिए।

इस अध्ययन के चौंतीसवें और पैंतीसवें श्‍लोक में जो वस्त्र-निषेध फलित होता है, वह भी जिनकल्पी या विशेष अभिग्रहधारी की अपेक्षा से है—यह प्रस्तुत श्‍लोक से समझा जा सकता है।

२१. चूर्णिकार ने चौदहवें श्‍लोक के प्रसंग में एक कथा प्रस्तुत की है—

एक बौद्ध भिक्षु अपने आचार्य के साथ कहीं जा रहा था। आचार्य आगे चल रहे थे और वह उसके पीछे। कुछ दूर जाने पर उसने मार्ग के एक पार्श्‍व में पड़ी हुई एक नौली देखी। उसने उसे उठाकर अपने थैले में रख ली। अब उसे भय सताने लगा। वह आचार्य के पास आकर बोला—भंते! पीछे चलने से मुझे भय लगता है, इसलिए आपके आगे-आगे चलना चाहता हूं। आचार्य बोले—ठीक है। भय को छोड़। तू अभय होकर आगे चल। वह कुछ दूर गया। आचार्य ने पूछा—क्या अब भी डर लगता है? शिष्य बोला—हां, अब भी भय लगता है। आचार्य ने उसे पुन: भय छोड़ने के लिए कहा। शिष्य में धर्मसंज्ञा का जागरण हुआ और तब उसने नौली को एक ओर फेंक दिया। आचार्य बोले—अरे, बहुत त्वरा से चल रहा है। क्या अब भय नहीं लगता? शिष्य बोला—भंते! मैंने भय को छोड़ दिया, जिससे भय लगता था उससे छुटकारा पा लिया।

२२. आत्मा की रक्षा करने वाला (आयरक्खिए)

शान्त्याचार्य ने इसके दो संस्कृत रूप देकर दो भिन्न-भिन्न अर्थ किए हैं—

आत्मरक्षित:—जिसने आत्मा की रक्षा की है।

आयरक्षित:—जिसने ज्ञान आदि के लाभ की रक्षा की है।

'आहिताग्‍न्यादिषु' के द्वारा 'रक्षित' का परनिपात हुआ है।

२३. (श्‍लोक १४-१५)

मुनिचर्या का पालन करते-करते कभी साधक के मन में संयम के प्रति अरति—अनुत्साह पैदा हो सकता है। चौदहवें श्‍लोक में अरति उत्पन्न होने के तीन कारणों तथा पन्द्रहवें श्‍लोक में उसके निवारण के उपायों की चर्चा है। अरति उत्पन्न होने के तीन कारण ये हैं—

१. एक गांव से दूसरे गांव में विचरण करना।

२. स्थायी स्थान या घर का न होना।

३. अकिंचन होना, अपना कुछ भी न होना।

अरति निवारण के पांच उपाय ये हैं :—

१. विरत होना, अप्रतिबद्ध होना।

२. अरति आत्म-समुत्थ दोष है, आभ्यन्तर दोष है। जो आत्मरक्षित होता है, जो आत्मा से आत्मा की रक्षा करता है, वैराग्यवान् है, उसको अगार—घर का अभाव कभी नहीं सताता।

३. जो धर्माराम है, जो निरन्तर धर्म में रमण करता है, श्रुत, भावना आदि का अभ्यास करता है, वह कहीं भी रहे, आनंद का ही अनुभव करता है।

४. अकिंचन होने या अपना कुछ भी न होने पर भी वह निरारंभ होने के कारण अरति का वेदन नहीं करता। आरम्भ या प्रवृत्ति के लिए 'स्व' चाहिए, अर्थ चाहिए। निरारम्भ व्यक्ति 'अर्थ' से मुक्त होता है। (चू. पृ. ६२)

५. उपशांत—जिसके कषाय शान्त होते हैं, वह अरति से स्पृष्ट नहीं होता। जो अहंकार, ममकार और तृष्णा से अभिभूत होता है, उसे अरति पग-पग पर सताती है।

२४. (संगो....इत्थिओ)

स्त्री अन्यान्य आसक्तियों को पैदा करने वाली महान् आसक्ति है। चूर्णिकार ने स्त्री-विषयक दो श्‍लोक उद्धृत किए हैं—

एता हसंति च रुदंति च अर्थहेतो- र्विश्‍वासयंति च परं न च विश्‍वसंति।

तस्मान्नरेण कुलशीलसमन्वितेन, नार्य: श्मशानसुमना इव वर्जनीया:।।

समुद्रवीचीचपलस्वभावा:, सन्ध्याभ्ररेखा व मुहूर्तरागा:।

स्त्रिय: कृतार्था: पुरुषं निरर्थकं, निपीडितालक्तकवत् त्यजंती।।

२५. सुकर हैं (सुकडं)

चूर्णिकार ने 'सुकरं' को मूल पाठ मानकर 'सुकडं' को पाठान्तर माना है। बृहद्वृत्तिकार ने 'सुकडं' को मूल मानकर 'सुकरं' का पाठान्तर के रूप में उल्लेख किया है।

'सुकरं' का अर्थ है—जो सुखपूर्वक या सरलता से किया जा सके।

'सुकडं' का अर्थ है—अच्छी तरह से किया हुआ। अर्थ की प्रासंगिकता की दृष्टि से यहां 'सुकरं' पाठ उपयुक्त लगता है।

वर्ण-व्यत्यय—'र' के स्थान में 'ड' के प्रयोग आगम साहित्य में मिलते हैं। यहां 'सुकडं' का संस्कृत रूप 'सुकृतं' की अपेक्षा 'सुकरं' अधिक संगत लगता है।

२६. (श्‍लोक १७)

आचार्य संभूतिविजय के अनेक मेधावी शिष्य थे। मुनि स्थूलभद्र उनके पास रहकर घोर तप तप रहे थे। एक बार स्थूलभद्र आदि चार अनगार आचार्य के पास आए और बोले—हम अभिग्रह करना चाहते हैं। आप हमें अनुज्ञा दें।

एक मुनि ने कहा—मैं सिंह की गुफा में चतुर्मास करना चाहता हूं। दूसरे ने कहा—मैं सांप की बिंबी पर, तीसरे ने कहा—मैं कूप-फलक पर और स्थूलभद्र ने कहा—मैं कोशा वेश्या के घर। गुरु ने चारों को अनुज्ञा दी। सिंह-गुफावासी मुनि के तपस्तेज से सिंह उपशांत हो गया। सांप की बिम्बी पर खड़े मुनि की शांति से दृष्टिविष सर्प निर्विष हो गया। कूप-फलक पर खड़े मुनि की एकाग्रता सधी। वेश्या के घर स्थूलभद्र मुनि को अनुकूल परीषह सहने पड़े।

चातुर्मास संपन्न हुआ। चारों गुरु के पास आए। आचार्य ने सिंह-गुफावासी आदि तीनों मुनियों की प्रशंसा करते हुए कहा—स्वागत है दुष्कर कार्य करने वालों का। मुनि स्थूलभद्र भी आए। आचार्य ने खड़े होकर स्वागत करते हुए कहा—अतिदुष्कर है, अतिदुष्कर है तुम्हारा आचरण।

तीनों ने सोचा, आचार्य श्री पक्षपात करते हैं। स्थूलभद्र अमात्य पुत्र हैं, इसलिए उनके प्रति ये उद्गार व्यक्त किए हैं।

दूसरे वर्ष सिंहगुफावासी मुनि द्वेष से अभिभूत होकर कोशा वेश्या के घर चतुर्मास बिताने गया। आचार्य ने बहुत प्रतिषेध किया, वह अहंकार वश नहीं माना। कोशा वेश्या ने अपने हावभाव से उसे मोहित कर डाला। मुनि उसके सौन्दर्य पर मुग्ध होकर भोग की याचना करने लगे। कोशा ने कहा—उसका मूल्य चुकाना होगा। आप अकिंचन हैं। आप नेपाल जाएं। वहां का राजा जैन धर्म का श्रावक है। उससे लाख मूल्य वाली रत्‍नकंबल ले आएं।

मुनि अपनी मर्यादा और वेष की लज्जा को छोड़कर भयंकर अटवियों को पार करते हुए नेपाल पहुंचे। नेपालनरेश ने उन्हें कंबल दिया। वे लौट रहे थे। चोरों ने उन्हें लूटना चाहा। पर ज्यों-त्यों बचाव कर वे कोशा वेश्या के घर पहुंचे। रत्‍नकंबल भेंट कर निश्‍चिन्त हो गए। वेश्या ने उस कंबल से अपने कीचड़ सने पैरों को पोंछ कर नाली में डाल दिया। मुनि ने देखा और कहा—अरे! यह क्या कर डाला! इतनी मूल्यवान कंबल का यों ही नाश कर दिया! वेश्या बोली—स्वयं को देखें। क्या आपने भी अपने संयम-रत्‍न का नाश नहीं किया। मुनि संभले। उन्होंने आचार्य के पास आकर अपनी प्रतिशोध की भावना का प्रायश्‍चित्त किया। गुरु ने कहा—

वग्घो वा सप्पो वा, सरीरपीडाकरा मुणेयव्वा।

नाणं च दंसणं वा, चरणं व न पच्चाला भेत्तुं।।

भयवं पि थूलभद्दो, तिक्खे चंकम्मिओ न पुण छिन्नो।

अग्गिसिहाए वुच्छो, चाउम्मासे न पुण दड्ढो।।

—एवं दुक्कर-दुक्करकारओ थूलभद्दो।

—व्याघ्र, सर्प आदि शरीर को पीड़ा उत्पन्न कर सकते हैं, किन्तु वे ज्ञान, दर्शन और चारित्र का भेदन करने में समर्थ नहीं होते। मुनि स्थूलभद्र ऐसे स्थान पर गए, पर स्खलित नहीं हुए। वे अग्‍निशिखातुल्य गणिका के घर में चतुर्मास के लिए रहे, पर वे उससे दग्ध नहीं हुए, अपने कर्तव्य से च्युत नहीं हुए।

२७. संयम के लिए (लाढे)

शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ—'एषणीय-आहार' अथवा 'मुनि-गणों के द्वारा जीवन यापन करने वाला'—किया है। उनके अनुसार यह श्‍लाघावाची देशी शब्द है। चूर्णिकार और नेमिचन्द्र भी संक्षेप में यही अर्थ करते हैं। यह विशेषण चर्या के प्रसंग में आया है और इसके अगले चरण में परीषहों को जीतने की बात कही है तथा इसे श्‍लाघावाची शब्द कहा है।

इन सभी तथ्यों पर ध्यान देने से इसका मूल अर्थ 'लाढ' या 'राढ' देश लगता है। भगवान महावीर ने वहां विहार किया था, तब वहां अनेक कष्ट सहे थे। आगे चलकर वह शब्द कष्ट सहने वालों के लिए श्‍लाघा-सूचक बन गया। प्रस्तुत आगम के १५।२ में लाढ का अर्थ—सत् अनुष्ठान से प्रधान—किया है।

२८. निगम में (निगमे)

चूर्णिकार के अनुसार 'निगम' का अर्थ है—वह स्थान जहां नाना प्रकार के कर्म और शिल्प को जानने वाली जातियां निवास करती हों।

बृहद्वृत्तिकार और नेमिचन्द्राचार्य के अनुसार निगम वह स्थान है जहां व्यापारी वर्ग रहता है।

२९. अकेला (एग एव)

चूर्णिकार और शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—राग-द्वेष रहित अथवा एकाकी। चूर्णिकार ने 'एकाकी' उसे माना है जो अप्रतिबद्धता के कारण जनता के मध्य में (गण में) रहता हुआ भी 'अकेला' रहे। 'गण में रहूं निरदाव अकेलो'—इसी की प्रतिध्वनि है। द्वितीय अर्थ की पुष्टि के लिए शान्त्याचार्य इसी आगम के ३२वें अध्ययन का पांचवां श्‍लोक उद्धृत करते हैं। नेमिचन्द्र ने केवल प्रथम अर्थ ही स्वीकार किया है।

इसी अध्ययन के बीसवें श्‍लोक के दूसरे चरण में 'एगओ' शब्द आया है। शान्त्याचार्य ने उसके दो अर्थ किए हैं—

(१) एकग—प्रतिमा का आचरण करने के लिए अकेला जाने वाला।

(२) एक—अर्थात् मोक्ष की प्राप्ति के लिए अनुकूल प्रवृत्ति करने वाला।

किन्तु उसका प्रकरणगत अर्थ एकक—अकेला उपयुक्त है।

३०. मुनि एक स्थान पर आश्रम बना कर न बैठे (असमाणो)

'असमाणो' का संस्कृत रूप है—असन्। चूर्णिकार ने इसके तीन अर्थ किए हैं।—

१. असन् (असन्निहित)—जिनके पास कुछ भी नहीं है।

२. असदृश—जो गृहस्थ के समान नहीं है।

३. अतुल्यविहारी—जिसका विहार अन्यतीर्थिकों से भिन्न है। बृहद्वृत्ति के अनुसार इसके अर्थ ये हैं—

भिक्षु असमान होता है। वह किसी घर या आश्रय में रहता है, पर उसके प्रति मूर्च्छित नहीं होता। न वह उस आश्रयदाता का वर्धापन करता है, न आश्रय की प्रशंसा करता है और न उसकी सार-संभाल करता है। आश्रय के सड़-गल जाने पर भी उसकी शिकायत गृहस्वामी से नहीं करता।

मुनि असमान—अहंकार रहित होता है।

वह अन्यतीर्थिकों की भांति नियत स्थानों या मठों में निवास नहीं करता। वह अनियतविहारी होता है। इस दृष्टि से भी वह असमान होता है।

गृहस्थ अपने स्थान के प्रति आसक्त होते हैं, निरन्तर उसकी चिंता करते रहते हैं। भिक्षु असन्निहित होने के कारण आश्रय की वार्ता से मुक्त होता है।

आयारचूला में अनेक स्थलों पर ये दो शब्द व्यवहृत हैं—'समाणे वा वसमाणे वा।'

'वसमाण' शब्द अनियतवास का वाचक है और 'समाण' शब्द नियतवास का।

प्रस्तुत आगम में प्रयुक्त 'असमाण' शब्द 'वसमाण' का वाचक है, अर्थात् अनियतवास का द्योतक है। आयारचूला के संदर्भ में 'असन्'—यह मूल अर्थ प्रतीत होता है।

३१. गांव आदि के साथ....प्रतिबद्ध न हो (नेव कुच्चा परिग्गहं)

परिग्रह का अर्थ है—ममत्व। यह चरण पूर्ववर्ती श्‍लोक के दो अंतिम चरणों तथा दशवैकालिक सूत्र (चूलिका २।८) के—गामे कुले वा नगरे व देसे, ममत्तभावं न कहिं चि कुज्जा—का द्योतक है। मुनि किसी गांव, कुल, नगर या देश के प्रति आसक्त न हो, प्रतिबद्ध न हो। प्रतिबद्धता से संयम की हानि होती है। इसीलिए प्रस्तुत श्‍लोक के अगले दो चरणों में कहा गया है कि मुनि गृहस्थों से असंबद्ध रहे तथा अनिकेत होकर विचरण करे।

यह उन्नीसवां श्‍लोक पूर्ववर्ती श्‍लोक का पूरक है।

३२. चर्या परीषह

कोल्लकर नाम का नगर था। वहां बहुश्रुत स्थविर आचार्य संगम अपने अनेक साधुओं के साथ निवास कर रहे थे। वे वहां स्थिरवासी थे। वे सब निरंतर अपनी चर्या में पूर्ण जागरूक थे और आगमों के अनुसार चर्या का पालन करते थे। एक बार उनका शिष्य दत्त लंबे समय के बाद वहां आया और अपने स्थिरवासी आचार्य को देख उसने सोचा, ओह! ये तो 'नियतवासी' बन गए हैं। मुझे यहां नहीं ठहरना चाहिए। वह अन्यत्र ठहरा। आचार्य भिक्षावेला के समय ऊंच-नीच कुल में गोचरी करने गए। वह भी उनके साथ हो गया। कालदोष से उस दिन आचार्य को अन्त-प्रान्त भोजन मिला। आचार्य निस्संगभाव से आहार लेते हुए अनेक घरों में घूमते रहे। शिष्य आकुल-व्याकुल हो गया। उसने अंट-संट बोलना प्रारम्भ कर दिया। आचार्य उसको शान्त करने के लिए एक धनी के घर में गए। वहां गृहपत्‍नी रेवती अपने बच्चे को उठाए खड़ी थी। वह बच्चा छह मास से रोता था। एक पल के लिए भी रुदन नहीं रुकता था। आचार्य भीतर गए। रोते हुए लड़के के समक्ष चुटकी बजाई और उसने रोना बंद कर दिया। घरवाले प्रसन्न हुए। उन्होंने आचार्य को परम अन्न से प्रतिलाभित किया। शिष्य प्रसन्न हो अपने निवास स्थान पर आ गया। आचार्य छोटे-बड़े घरों से भिक्षा ले स्थान पर आए। सबने भोजन किया। सायं प्रतिक्रमण के समय आचार्य ने उससे कहा—कृत की आलोचना करो। उसने कहा—मैं तो आपके साथ ही घूमा था। आप आलोचना करें। आपने अमुक घर से धातृपिण्ड लिया है। यह अकल्प्य है। आचार्य बोले—दूसरों के अति सूक्ष्म छिद्र भी तुम देख लेते हो। वह बोला—यह असत्य है। कहा है—मनुष्य के पास अपने दोष देखने के लिए एक आंख भी नहीं है, किन्तु परदोषों को देखने के लिए वह सहस्राक्ष हो जाता है—

एक्कं पि नत्थि लोयस्स लोयणं जेण नियइ नियदोसे।

परदोसपेच्छणे पुण, लोयणलक्खाइं जायंति।।

शिष्य आचार्य को छोड़कर दूसरे कमरे में चला गया। रात का समय। भयंकर तूफान। सघन अंधकार। वह डरा। उसने आचार्य को पुकारा। आचार्य ने कहा—इधर आ जाओ। वह बोला—कैसे आऊं? हाथ से हाथ नहीं दीख रहा है। सर्वत्र सूचीभेद्य अन्धकार व्याप्त है। आचार्य लब्धि-संपन्न थे। उन्होंने अपनी अंगुली आगे की। वह प्रज्वलित होकर आलोक बिखेरने लगी। शिष्य ने सोचा—ये कैसे गुरु? अपने पास दीपक भी रखते हैं। वह और अधिक रुष्ट हो गया। कुछ समय बीता। उसकी विवेक-चेतना जागी। उसे अपनी दुष्टता का भान हुआ। उपद्रव मिटा। वह तत्काल गुरु-चरणों में आकर बार-बार क्षमायाचना करने लगा। उसने कहा—आप ही मेरे तारक हैं। आगे फिर मैं ऐसा आचरण नहीं करूंगा। आचार्य ने उसे आश्‍वस्त किया। शिष्य को ग्रंथकार के वचनों की स्मृति हो आई। वह गुनगुनाने लगा—

निम्ममा निरहंकारा, उज्जुत्ता संजमे तवे चरणे।

एगक्खेत्ते वि ठिया, खवंति पोराणयं कम्मं।।

जो मुनि ममत्व और अहंकार से शून्य होते हैं, जो संयम, तप और चारित्र में जागरूक रहते हैं, वे नियतवासी होने पर भी, एक क्षेत्र में रहने पर भी, अपने कर्मों का क्षय कर देते हैं।

निगमन—आचार्य संगम ने चर्या परीषह को समभाव से सहा।

३३. चपलताओं का वर्जन करता हुआ (अकुक्कुओ)

बृहद्वृत्तिकार ने इसके दो संस्कृत रूप दिए हैं—

(१) अकुक्कुच: और

(२) अकुत्कुच:।

इनके क्रमश: अर्थ हैं—

(१) अशिष्ट चेष्टाओं से रहित।

(२) हाथ-पैर को अनुचित रूप से न हिलाने वाला।

३४. श्मशान..अथवा वृक्ष के मूल में (सुसाणे.. रुक्खमूले)

मुनि को किस प्रकार के स्थान में रहना चाहिए इसका विचार कई अध्ययनों में किया गया है। देखें—१५।४; १६। सू. ३, श्‍लो. १; ३२।१२, १३, १६; ३५/४-९। श्मशान, शून्य-गृह और वृक्ष-मूल ये सब एकान्त स्थान के उदाहरण मात्र हैं। श्मशान और वृक्ष-मूल में मुख्यतया विशिष्ट साधना करने वाले मुनि ही रहते हैं।

'सुसाण'—यह श्मशान के अर्थ में आर्ष-प्रयोग है।

कई बौद्ध-भिक्षु भी श्मशान में रहने का व्रत लेकर चलते थे। उनका यह व्रत 'श्मशानिकांग' कहलाता है। यही ग्यारहवां 'धुतांग' है।

कई बौद्ध-भिक्षु वृक्षों के नीचे भी रहते थे। वे छाए हुए घरों में नहीं रहते थे। उनका यह व्रत 'वृक्षमूलिकांग' कहलाता है। यही नौवां 'धुतांग' है।

३५. दूसरों को त्रास न दे (न य वित्तासए परं)

मुनि की साधना विविध प्रकार की होती है। कभी-कभी वह श्मशान-प्रतिमा की विशिष्ट साधना स्वीकार कर श्मशान में रात्री-निवास करता है। उस समय वहां विविध प्रकार के भयोत्पादक उपसर्ग होते हैं। मुनि उनसे भयभीत न हो। वह आगम के इस वचन का स्मरण करे—'पडिमं पडिवज्जिया मसाणे, णो भायए भयभेरवाइं दिस्स।' साथ ही साथ वह वहां साधनारत अन्यान्य साधकों को भी न डराए। ऐसी आवाजें न करे कि दूसरे डर जाएं या ऐसे हावभाव न करे कि वहां भय का वातावरण खड़ा हो जाए।

३६. (श्‍लोक २०,२१)

ये दो श्‍लोक निषद्या परीषह से संबंधित हैं। चूर्णिकार ने 'णिसीहिया' और 'ठाणं' को एकार्थक माना है और इसका अर्थ निषीदन—बैठना किया है। वृत्ति में इसका अर्थ श्मशानादि स्वाध्याय भूमि किया है। प्राचीनकाल में मुनि स्वाध्याय के लिए एकान्त स्थान में जाते थे। उसको निषीधिका या निषद्या कहते थे।

खारवेल के शिलालेख में 'काय निसीदिका' और 'अर्हत् निसीदिका' का पाठ मिलता है।

इस प्रकार 'निसीदिया' और निसीहिया'—ये दो प्रकार के पाठ मिलते हैं। इनमें खारवेल के शिलालेख के पाठ बहुत प्राचीन हैं। प्राचीन लिपि में 'द' और 'ह' का अंकन बहुत समान रहा है। इस आधार पर अनुमान किया जा सकता है कि 'निसीदिया' का 'द' 'हकार' में परिवर्तित हो गया और 'निसीहिया' पाठ प्रचलित हो गया।

'निसीदिया' का अर्थ है—निषद्या। यह स्वाभाविक प्रयोग है। 'निसीहिया' का अर्थ निषीधिका, नैषेधिकी या निशीथिका किया जाता है। यह अर्थ मौलिक प्रतीत नहीं होता।

निषद्या का अर्थ है—निर्वाणभूमि, स्वाध्यायभूमि या समाधिस्थल।

निषद्या परीषह

हस्तिनापुर नगर। कुरुदत्त नाम का श्रेष्ठिपुत्र। उसने एक आचार्य के पास प्रव्रज्या ग्रहण कर ली। आचार्य बहुश्रुत थे। उन्होंने उसकी पात्रता की परीक्षा कर उसे अनेक आगमों की वाचना दी। वह विनय की प्रतिपत्ति से ज्ञान अर्जित कर कुछ ही वर्षों में बहुश्रुत मुनि बन गया। आचार्य की अनुज्ञा प्राप्त कर वह एक बार एकलविहार प्रतिमा की प्रतिज्ञा कर साकेत नगर की ओर चला। नगर के समीप आते-आते दिन का अंतिम प्रहर—चतुर्थ प्रहर का काल आ गया। उसने वहीं पैर रोक दिए। वह स्थान था नगर का श्मशान। इधर-उधर शव जल रहे थे। वह वहीं कायोत्सर्ग में स्थित हो गया।

निकट के एक गांव से कुछ चोर गायों को चुराकर उसी रास्ते से निकले थे। चोरी का पता लगाने वाले कुछ लोग उनके पीछे-पीछे आ रहे थे। जहां मुनि कायोत्सर्ग में स्थित थे, वहां से दो मार्ग दो गांवों की ओर जा रहे थे। वे खोजी व्यक्ति वहां रुके। मुनि से पूछा कि चोर किस ओर गए हैं? मुनि मौन थे। खोजी व्यक्तियों ने पुन:-पुन: पूछा। मुनि ने मौन भंग नहीं किया। वे कुपित हुए और उन्होंने मुनि के सिर पर मिट्टी की पाल बांधकर उसको दहकते अंगारों से भर दिया। वे फिर वहां से चल दिए।

मुनि को असह्य विकराल वेदना हो रही थी। पर वे समता के अथाह सागर में उन्मज्जन-निमज्जन करने लगे। वे गुनगुनाने लगे—

सह कलेवर! खेदमचिन्तयन्, स्ववशता हि पुनस्तव दुर्लभा।

बहुतरं च सहिष्यसि जीव हे! परवशो न च तत्र गुणोऽस्ति ते।।

'शरीर! इस विपुल कष्ट को तू यह सोचकर समभाव से सहन कर कि कष्ट सहने की यह स्वतंत्रता अन्यत्र दुर्लभ है। मनुष्य जीवन के अतिरिक्त ऐसी स्ववशता पुन: प्राप्त होना कठिन है। परवशता में तूने अनेक भयंकर कष्ट सहे हैं। यह तेरी कोई विशेषता नहीं है। विशेषता तब होती है जब स्ववशता में भी भयंकर कष्टों को समभाव से सहा जाए।'

मुनि के परिणामों की श्रेणी विशुद्धतम होती गई और वे सभी कष्टों से सदा-सदा के लिए मुक्त हो गए।

३७. उत्कृष्ट या निकृष्ट उपाश्रय को पाकर (उच्चावयाहिं सेज्जाहिं)

उच्च और अवच—ये दो शब्द हैं। उच्च का अर्थ है—वे दुमंजिले मकान जो लिपे-पुते हुए हैं अथवा जो शीत, आतप आदि का निवारण करने में सक्षम हैं, सभी ऋतुओं में सुखदायी हैं।

अवच का अर्थ है—जमीन से सटे हुए मकान, खंडहर या जो शीत और आतप से रक्षा करने में असमर्थ।

शय्या का अर्थ है—वसति, गृह।

३८. मर्यादा का अतिक्रमण न करे (नाइवेलं विहन्नेज्जा)

वेला शब्द के दो अर्थ हैं—समय और मर्यादा।

'हन्' धातु के दो अर्थ हैं—हिंसा और गति। यहां यह गति अर्थ में प्रयुक्त है।

'नाइवेलं विहन्नेज्जा' पद के दो अर्थ हैं—

(१) मुनि शीत, आतप आदि से प्रताड़ित होकर स्वाध्यायभूमि का अतिक्रमण न करे, उसे छोड़कर अन्यत्र न जाए।

(२) मुनि उच्च या अवच स्थान को प्राप्त कर अपनी मर्यादा अर्थात् समभाव को न छोड़े।

वह अच्छे स्थान को प्राप्त कर यह न सोचे कि मैं कितना सौभाग्यशाली हूं कि मुझे सभी ऋतुओं में सुखदायी यह स्थान प्राप्त हुआ है। बुरे स्थान को प्राप्त कर वह न सोचे कि मैं कितना मंदभाग्य हूं कि मुझे शीत आदि से बचाने वाला स्थान भी प्राप्त नहीं होता। इस प्रकार मुनि हर्ष और विषाद से ग्रस्त न हो।

आयारचूला में 'स्थान या शय्याविधि' का निर्देश देते हुए सूत्रकार कहते हैं—मुनि को कभी सम स्थान और कभी विषम स्थान, कभी वायु वाला और कभी वायु शून्य, कभी गंदा और कभी साफ-सुथरा, कभी दंश-मशकों से परिव्याप्त और कभी उनसे रहित, कभी खण्हर और कभी पूरा, कभी बाधाओं से व्याप्त और कभी निर्बाध स्थान मिलता है। मुनि इनमें समभाव रखे, राग-द्वेष न लाए।

३९. प्रतिरिक्त (एकांत) उपाश्रय को (पइरिक्कुवस्सयं)

'पइरिक्क' देशी शब्द है। इसके एकांत, शून्य, विशाल आदि अनेक अर्थ हैं। संस्कृत में भी 'प्रतिरिक्त' शब्द इन अर्थों में प्रयुक्त है।

चूर्णिकार ने इसके अनेक अर्थ किए हैं—पुण्य—सुन्दर अथवा पूर्ण, अव्याबाध, नव-निर्मापित, ऋतुक्षम—सभी ऋतुओं में सुखप्रद; जो अभी तक कार्पटिक आदि भिक्षुओं से उपभुक्त न हो वैसा स्थान।

बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—

(१) स्त्री आदि से विरहित होने के कारण एकान्त।

(२) अव्याबाध।

४०. एक रात में क्या होना जाना है (किमेगरायं करिस्सइ)

यह एक रात्री का प्रयोग विशेष साधनारत मुनियों के लिए है। एकलविहार की प्रतिमा अथवा अन्य प्रतिमाओं को धारण कर विचरण करने वाले मुनि गांव में एक रात और नगर में पांच रात रह सकते हैं। स्थविरकल्पी मुनि नवकोटि विहार से विचरण करते हैं। इसलिए उनके लिए यह नियम नहीं है।

४१. शय्या-वसति परीषह

कोशाम्बी नगरी के विश्रुत विप्र यज्ञदत्त के दो पुत्र थे। उनका नाम था—सोमदत्त और सोमदेव। वे वेदों के पारंगत विद्वान् हो गए। अकस्मात् कोई निमित्त मिला और वे दोनों संसार से विरक्त होकर सोमभूति अनगार के पास दीक्षित हो गए। दोनों ने ज्ञानार्जन के लिए श्रम किया और कुछ ही समय में वे बहुश्रुत हो गए। एक बार वे एक पल्ली में आए। वहां के लोग मदिरापान करते थे। उन्होंने अन्य पेय द्रव्य में मदिरा का मिश्रण कर मुनिद्वय को दिया। मुनि इससे अजान थे। उन्होंने उस पेय को पीया और कुछ ही समय पश्‍चात् वे उन्मत्त हो गए। उन्होंने सोचा—हमने अच्छा नहीं किया। हमारे से प्रमाद हुआ है। अच्छा है, हम अनशन कर लें। वे दोनों पास ही एक नदी पर गए और वहां पड़े हुए दो काष्ठ-फलकों पर पादपोपगमन अनशन कर लेट गए। दो-चार दिन बीते। अकाल में वर्षा हुई और नदी में बाढ़ आ गई। उस बाढ़ में दोनों भाई बह गए। समुद्र में जा गिरे। लहरों की तीव्र चपेटों से वे हत-विहत हुए। जलचर जीवों ने उन्हें काटा। दोनों भाई पीड़ा को समता से सहकर पंडित मरण को प्राप्त हुए।

४२. प्रति क्रोध (पडिसंजले)

'पंडिसंजले' का तात्पर्यार्थ है—कोई क्रोध से वशीभूत होकर गाली देता है, क्रोध से जलता है तो भी मुनि प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर उसके प्रति क्रोध न करे, क्रोधाग्‍नि में न जले। आंखों को लाल-पीला कर, सारे शरीर में दाह उत्पन्न कर, गाली का जवाब प्रचंड गाली से देना, अग्‍नि की भांति संज्वलित होना है। मुनि उसके प्रति भी संज्वलन क्रोध—अत्यधिक हलका क्रोध भी न करे, शांत रहे।

आचार्य नेमिचन्द्र ने यहां एक सुन्दर श्‍लोक प्रस्तुत किया है—

आक्रुष्टेन मतिमता, तत्त्वार्थालोचने मति: कार्या।

यदि सत्यं क: कोप:, स्यादनृतं किं नु कोपेन?।।

४३. (सरिसो होइ बालाणं)

इस चरण का तात्पर्य यह है कि जो मुनि गाली का उत्तर गाली से देता है वह उस अज्ञानी के समान ही हो जाता है। यहां एक बड़ा सुन्दर उदाहरण है—

'एक क्षपक मुनि था। देवता उसकी सेवा करता था। क्षपक जो कुछ कहता, देवता उसका पालन करता था। एक बार मुनि का एक नीच जाति वाले व्यक्ति से झगड़ा हो गया। वह हृष्ट-पुष्ट था। उसने मुनि को पछाड़ दिया। रात को देव वन्दना करने आया। मुनि मौन रहे। देव बोला—'क्या कोई मेरा अपराध हुआ है?' मुनि ने कहा-'तूने उस दुष्ट आदमी को डांटा तक नहीं।' देव बोला—'गुरुदेव! मैं वहां आया तो था पर पहचान नहीं सका कौन था दुष्ट आदमी और कौन था श्रमण? वे दोनों एक जैसे ही थे।'

४४. (श्‍लोक २५)

प्रस्तुत श्‍लोक में भाषा के तीन विशेषण प्राप्त हैं—परुष, दारुण और ग्रामकण्टक।

परुष—वह भाषा जो स्‍नेहरहित, अनौपचारिक और कर्कश हो।

दारुण—वह भाषा जो मन को फाड़ डाले, कमजोर साधकों के संयम-धृति को तोड़ दे।

ग्रामकण्टक—यहां ग्राम शब्द इन्द्रिय-ग्राम (इन्द्रिय समूह) के अर्थ में प्रयुक्त है। ग्रामकण्टक अर्थात् कानों में कांटों की भांति चुभने वाले इन्द्रियों के विषय, प्रतिकूल शब्द आदि। ये कांटे इसलिए हैं क्योंकि ये दु:ख उत्पन्न करते हैं और मोक्ष-मार्ग में प्रवृत्त साधकों के लिए विघ्नकारी होते हैं।

मूलाराधना में 'ग्रामवचीकंटगेहिं' का प्रयोग है। उसका अर्थ है—ग्राम्य लोगों के वचनरूपी कांटों से। प्रस्तुत श्‍लोक में 'ग्रामकण्टए' का प्रयोग है। यहां मध्यपद 'वची' का लोप मान लेने पर उसका अनुवाद ग्राम्य लोगों की कांटों के समान चुभने वाली भाषा—किया जा सकता है।

४५. आक्रोश परीषह

राजगृह नगर। मुद्गरपाणी यक्ष का आयतन। यक्ष का परम भक्त अर्जुन मालाकार। स्कन्दश्री उसकी पत्‍नी। दोनों का ईष्टदेव था मुद्गरपाणी यक्ष। एक बार छह युवकों ने स्कन्दश्री पर आक्रमण किया। अर्जुन मालाकार ने देखा। मुद्गरपाणी यक्ष मालाकार के शरीर में प्रविष्ट हुआ। मालाकार ने छहों व्यक्तियों तथा अपनी पत्‍नी को मुद्गर से मार डाला। अब वह प्रतिदिन सात व्यक्तियों (छह पुरुष और एक स्त्री) की हत्या करने लगा।

कुछ समय बीता। भगवान महावीर जनपद विहार करते हुए वहां आए। राजगृह के बाह्य उद्यान में ठहरे। चारों ओर अर्जुन मालाकार का भय व्याप्त था। कोई भी व्यक्ति भगवान के दर्शन करने जाने को उद्यत नहीं था। श्रेष्ठीपुत्र सुदर्शन 'जं होइ तं होइ' को ध्यान में रख भगवद् दर्शन के लिए चला। अर्जुन को सामने आते देख, सुदर्शन ने मन ही मन कहा—मुझे अरहंत, सिद्ध, साधु और धर्म की शरण हो, महावीर मेरी गति हो। इस वेला में यदि मेरे इस देह से कोई प्रमाद हो (मेरा मरण हो) तो मैं आहार, उपधि और काय का तीन करण, तीन योग से प्रत्याख्यान करता हूं। वह नमस्कार मंत्र का पांच बार स्मरण कर कायोत्सर्ग में स्थित हो गया। इतने में ही अर्जुन वहां आया। पर उसे तब अत्यन्त आश्‍चर्य हुआ कि वह उस व्यक्ति पर प्रहार करने में असमर्थ हो रहा है। उसने अपना सारा पुरुषार्थ प्रहार करने के लिए लगा दिया। पर, सब व्यर्थ। यक्ष अर्जुन के शरीर से निकल गया। अर्जुन वहीं भूमि पर गिर पड़ा। चेतना प्राप्त कर वह उठा और सुदर्शन से पूछा—मैं कहां हूं? मैंने ऐसा क्यों किया? मेरी क्या स्थिति है? मैं अपने आपको नहीं जानता। तुम मुझे बताओ। सुदर्शन ने सारी बात बताई। मालाकार का मन आन्दोलित हो उठा। वह भी सुदर्शन के साथ भगवान् की सन्निधि में पहुंचा। उसने पूछा—भंते! मैं घोर पापी हूं। मेरी विशोधि कैसे हो सकती है? भगवान बोले—विशोधि के दो साधन हैं—तपस्या और संयम। यह सुनकर मालाकार भगवान के पास प्रव्रजित हो गया।

वह भक्तपान के लिए राजगृह में जाता। उसे देखते ही लोगों की स्मृति उभर जाती। कोई कहता—मेरे पिता को, कोई कहता मेरे भाई को, कोई कहता—मेरी पत्‍नी को, कोई कहता—मेरे पुत्र को इस हत्यारे ने मारा है। वे उस पर ढेले फेंकते, मारते। पर मुनि अर्जुन उन सभी प्रकार के आक्रोशों को समभाव से सहता।

संयम की विशुद्ध परिपालना और समता की आराधना से कर्मों का क्षय कर उसी भव में उसने केवलज्ञान प्राप्त कर लिया।

४६. मन में न लाए (मणसीकरे)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—मानसिक असमाधि किया है। प्रतिकूल भाषा को सुनकर भी मुनि अपनी मानसिक समाधि न खोए, मानसिक असमाधि में न जाए।

वृत्तिकार के अनुसार इसका अर्थ है—परुष भाषा बोलने वाले व्यक्ति के प्रति मन में भी द्वेष न लाए।

४७. क्रोध (संजले)

चूर्णिकार ने संज्वलन का अर्थ रोषोद्गम या मानोदय किया है। उन्होंने उसका लक्षण बताते हुए एक श्‍लोक उद्धृत किया है।—

'कंपति रोषादग्‍निसंधुक्षितवच्च दीप्यतेऽनेन।

तं प्रत्याक्रोशत्याहंति च मन्येत येन स मत:।।

—जो क्रोध से कांप उठता है, अग्‍नि की भांति जल उठता है, आक्रोश के प्रति आक्रोश और हनन के प्रति हनन करता है, यह संज्वलन का फल है।

बृहद्वृत्ति में इस शब्द के द्वारा यह प्रतिपादित किया है कि मुनि पीटे जाने पर भी शरीर से संज्वलित न हो—क्रोध से न कांपे और न पीटने वाले को पीटने का प्रयत्‍न ही करे। वह आक्रोश के प्रति आक्रोश कर अपने आपको अत्यन्त कुपित प्रदर्शित न करे।

४८. परम (परमं)

प्राचीन साहित्य में दो शब्द प्रचलित हैं—पराविद्या और अपराविद्या। पराविद्या का अर्थ है—लोकोत्तर विद्या, अध्यात्म विद्या और अपराविद्या का अर्थ है—सांसारिक विद्या, व्यावहारिक विद्या।

उपनिषदों में पराविद्या की जिज्ञासा के अनेक प्रसंग उपलब्ध हैं।

'परम' शब्द का अर्थ है—उत्कृष्ट। शान्त्याचार्य ने तितिक्षा को उत्कृष्ट धर्म-साधन माना है।

४९. मुनि-धर्म (भिक्खुधम्मं)

मुनि-धर्म स्थानांग (१०।१६) तथा समवायांग (समवाय १०) के अनुसार दस प्रकार का होता है—

(१) क्षान्ति

(२) मुक्ति-निर्लोभता, अनासक्ति

(३) मार्दव

(४) आर्जव

(५) लाघव

(६) सत्य

(७) संयम

(८) तप

(९) त्याग—अपने सांभोगिक साधुओं को आहार का दान देना।

(१०) ब्रह्मचर्य

५०. श्रमण को (समणं)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'समान मन वाला' किया है। शान्त्याचार्य ने इस अर्थ के साथ-साथ श्रमण भी किया है। नेमिचन्द्र ने तपस्वी किया है। संस्कृत में इस शब्द के दो रूप हो सकते हैं—श्रमणम् और समणम्। विस्तार के लिए देखें—दसवेआलियं १।३ के 'समणा' शब्द का टिप्पण।

५१. (श्‍लोक २६,२७)

प्रस्तुत दो श्‍लोकों (२६, २७) में आक्रोश, वध आदि परीषहों को झेलने के तीन आलंबन सूत्र प्राप्त होते हैं—

१. तितिक्षा—मुनि सोचे की सहन करने से बढ़कर निर्जरा का कोई साधन नहीं है। क्षमा परम धर्म है। सहन करने वाला ही क्षमाशील हो सकता है। एक प्राचीन श्‍लोक है—

'धर्मस्य दया मूलं, न चाक्षमावान् दयां समाधत्ते।

तस्माद् य: क्षान्तिपर:, स साधयत्युत्तमं धर्मम्।।'

२. मुनि धर्म का चिंतन करे। मुनि धर्म दो प्रकार का है—पांच महाव्रतात्मक और क्षान्ति आदि दसविध धर्म। मुनि यह सोचे कि मुनि-धर्म का मूल है क्षमा। यह आक्रोश करने वाला व्यक्ति मुझे निमित्त बनाकर कर्मों का उपचय करता है, इसलिए परोक्षत: मैं ही दोषी हूं। अत: मुझे इसके प्रति क्रोध नहीं करना चाहिए।

३. आत्मा के अमरत्व का चिन्तन—पीटे जाने पर मुनि यह सोचे कि जीव—आत्मा का नाश नहीं होता। इस चिन्तन का पूर्वपक्ष है कि यदि कोई दुर्जन व्यक्ति मुनि को गाली दे तो मुनि यह सोचे कि—चलो, गाली ही देता है, पीटता तो नहीं। पीटने पर सोचे—चलो, पीटता ही है, मारता तो नहीं। मारने पर सोचे—चलो मारता ही है, धर्म से भ्रष्ट तो नहीं करता—आत्म-धर्म का हनन तो नहीं करता, क्योंकि आत्मा अमर है, अमूर्त्त है।

इस प्रेक्षा से मुनि अगले बड़े उपताप को सामने रखकर छोटा उपताप जो प्राप्त होता है, उसे लाभ मानता है और इस प्रकार वह मनोवैज्ञानिक विजय प्राप्त कर लेता है।

५२. वध परीषह

स्कन्दक श्रावस्ती नगर के जितशत्रु राजा का राजकुमार था। उसकी माता का नाम था धारिणी और बहिन का नाम था पुरंदरयशा। पुरंदरयशा का विवाह कुंभकार नगर के राजा दंडकी के साथ हुआ। पालक दंडकी का पुरोहित था।

एक बार श्रावस्ती नगरी में मुनि सुव्रत समवसृत हुए। धर्मचर्चा सुनने के लिए लोग उमड़ पड़े। युवराज स्कन्दक भी गया। धर्मदेशना सुनकर उसने श्रावक के व्रत अंगीकार कर लिए।

एक बार दंडकी राजा का पुरोहित पालक श्रावस्ती नगरी में दूत बनकर आया। भरी सभा में वह मुनियों का अवर्णवाद बोलने लगा। स्कन्दक ने उसे निरुत्तर कर दिया। उसी दिन से पालक स्कन्दक का द्वेषी बन गया।

कुछ समय बीता। स्कन्दक संसार से निर्विण्ण हुआ और उसने पांच सौ व्यक्तियों के साथ मुनि सुव्रत स्वामी के पास प्रव्रज्या ग्रहण कर ली। उसने ज्ञानाभ्यास कर बहुश्रुतता हासिल कर ली। मुनि सुव्रत स्वामी ने उसकी योग्यता का मूल्यांकन करते हुए उसे पांच सौ शिष्यों का अधिपति बना दिया। एक बार मुनि स्कन्दक ने आचार्य से पूछा—भंते! मैं अपनी बहिन के गांव कुंभकार नगर में जाना चाहता हूं। आप आज्ञा दें। 'आचार्य बोले—वहां जाने पर मारणान्तिक कष्ट सहने होंगे।' मुनि स्कन्दक ने पूछा—'मृत्यु, भले ही हो। पर क्या हम आराधक होंगे या विराधक?' आचार्य बोले—तुमको छोड़कर सभी मुनि आराधक होंगे। उसने कहा—चलो, कोई बात नहीं। पांच सौ में से चार सौ निन्यानवे व्यक्ति तो आराधना कर अपना कल्याण करेंगे। एक के विराधक होने से क्या अन्तर आता है?

मुनि स्कन्दक अन्य पांच सौ मुनियों के साथ कुंभकार नगर में पहुंचा। पालक ने अवसर का लाभ उठाते हुए मुनि-निवास के चारों ओर शस्त्रास्त्र गड़ा दिए। राजा दंडकी को मुनि के प्रति उकसाते हुए उसने कहा—यह आपका राज्य छीनने आया है। उद्यान के चारों ओर शस्त्रास्त्र छुपा कर रखे हैं। आपको विश्‍वास न हो तो जांच कराएं। राजा ने गुप्तचर भेजे। बात सही निकली। उसने सभी मुनियों को पुरोहित पालक को सौंप दिया। उसने सभी को कोल्हू में पीलने का आदेश दे दिया। एक-एक कर मुनि कोल्हू में पील दिए गए। सभी ने उत्कृष्ट अध्यवसायों से इस दारुण वध परीषह को सहा, केवलज्ञान प्राप्त कर सभी सिद्ध हो गए। अब केवल दो मुनि बचे थे—एक बाल मुनि और एक स्कन्दक। स्कन्दक का मन करुणार्द्र हो गया। उसने अधिकारी से कहा—इस बालक पर करुणा करो। मैं कोल्हू में पीले जाते हुए इस बालक को नहीं देख सकता। पहले मुझे पील दो। पालक हंसा। उसने स्कन्दक को और अधिक पीड़ित करने के लिए बाल मुनि को कोल्हू में डाल दिया। बाल मुनि ने अध्यवसायों की निर्मलता बनाए रखी। वह सिद्ध हो गया। स्कन्दक भान भूल बैठा। कोल्हू में पीले जाते समय निदान कर वह अग्‍निकुमार देव बना और पूरे जनपद को जलाकर राख कर दिया।

सभी मुनि वध परीषह को सहकर आराधक बन गए। मुनि स्कन्दक ने इस परीषह को नहीं सहा। वह विराधक हुआ।

५३. (सव्वं से.... किंचि अजाइयं)

याचना अहंकार-विलय का प्रयोग है। जिस व्यक्ति को रोटी और पानी भी मांगने से मिलता है, रोटी और पानी के लिए भी जिसको दूसरों के आगे हाथ पसारना पड़ता है, उसमें अहंकार का भाव कैसे जागेगा? 'याचना' अहंकार-मुक्ति का एक आलंबन बनता है।

कुछ कहते हैं, साधु-जीवन पलायन का जीवन है। साधु कोई उत्पादक श्रम नहीं करता। एक ओर मांगना कठिन होता है तो दूसरी ओर यह आरोप लगाया जाता है। आकिंचन्य और उत्पादन श्रम में कोई संबंध नहीं है।

सूफी परम्परा में कहा गया कि साधु के लिए मांगना वरदान है और आलसी—परिग्रही के लिए मांगना अभिशाप है। विनोबाभावे ने कांचन-मुक्ति का प्रयोग किया। उन्होंने कहा—जहां किंचनता है वहां मांगना, भिक्षा करना, वर्जित होना चाहिए। अकिंचन त्यागी संन्यासी के लिए याचना विहित है, सम्मत है।

याचना कठिन कर्म है। नीतिकार ने दाता और याचक की स्थिति का सुन्दर वर्णन इस श्‍लोक में प्रस्तुत किया है—

'एकेन तिष्ठाताऽधस्ताद् अन्येनोपरि तिष्ठता।

दातृयाचकयोर्भेद:, कराभ्यामेव सचित:।।'

देने वाले का हाथ ऊपर रहता है और लेने वाले का हाथ नीचे। यही दाता और याचक की स्थिति का द्योतक है।

एक राजा अपने गुरु के पास गया और बोला—'गुरुदेव! अहंकार मेरी साधना में बाधक बन रहा है। मुझे उसकी मुक्ति का उपाय बताएं।' गुरु बोले—''बहुत कठिन है अहं से मुक्त होना और वह भी एक राजा के लिए, जो सारे देश पर शासन करता है।'' राजा ने आग्रह किया। उसकी उत्कट भावना को देखकर गुरु ने कहा—''उपाय सरल है, पर तुम्हारे लिए वह कठिन हो सकता है। यदि तुम वास्तव में ही अहं से छुटकारा पाना चाहते हो तो अपने राज्य के इस बड़े नगर में तुम सात दिन तक भिक्षा मांगने निकलो और घर-घर से भिक्षा लेकर जीवन-निर्वाह करो।'' राजा बोला—''भंते! मांगना अत्यन्त कठिन कर्म है और वह भी अपने ही राज्य में, जहां मैं इतना सम्मानित और पूजनीय हूं। आप कोई दूसरा उपाय निर्दिष्ट करें।'' गुरु बोले—''तुम्हारे लिए यही उपाय कारगर हो सकता है। यदि अहंकार से मुक्त होना चाहते हो तो ऐसा करना ही होगा।'' राजा गुरु की बात मान, अकेला ही नगर में मांगने निकला। हाथ में पात्र था। लोगों ने देखा। सभी आश्‍चर्यचकित रह गए। किसी ने आक्रोश व्यक्त किया, किसी ने घर से निकाल दिया। पर राजा समभाव से सब कुछ सहता हुआ, घर-घर गया। इस प्रकार सात दिन बीत गए। वह गुरु के पास आकर बोला, पूज्य गुरुदेव! उपाय कारगर हुआ। मुझे जो पाना था, वह मैंने पा लिया। अहं विलीन हो गया।

५४. गोचराग्र में (गोयरग्ग....)

'गोचर' का अर्थ है—गाय की भांति चरना। गाय अपने से परिचित या अपरिचित का भेदभाव किए बिना ही प्राप्त भोजन को ग्रहण कर लेती है, वैसे ही भिक्षु भी परिचित या अपरिचित व्यक्तियों या घरों से भिक्षा ग्रहण करता है। परन्तु गाय 'यथाकथंचित्' तो कुछ भी ले लेती है, वैसे भिक्षु नहीं ले सकता। वह सदा एषणायुक्त भोजन ही लेता है। यही 'अग्ग' (सं. अग्र्यं) शब्द का विशेष अर्थ है।

चूर्णिकार ने 'अग्ग' शब्द के दो अर्थ किए हैं—प्रधान और एषणायुक्त।३ उन्होंने यहां बछड़े के उदाहरण का संकेत किया है, पर्व का दिन था। घर की मालकिन अन्यत्र गई हुई थी। पुत्रवधू साज श्रृंगार में लग गई। वह बछड़े को चारा-पानी देना भूल गई। फिर अचानक उसे बछड़े की याद आई। वह उसी रूप में चारा देने आई। बछड़े ने उसकी ओर आंख उठाकर भी नहीं देखा। वह चारा खाने में मस्त हो गया। उसी प्रकार भिक्षु भी एषणायुक्त भोजन की गवेषणा में लीन रहे।

५५. हाथ पसारना सरल नहीं है (पाणी नो सुप्पसारए)

याचना के लिए दूसरों के आगे हाथ पसारना—'मुझे दे'—यह कहना सरल नहीं है। जैसे—

धणवइसमोऽवि दो अक्खराइं लज्जं भयं च मोत्तूणं।

देहित्ति जाव ण भणति पडइ मुहे नो परिभवस्स।।

कुबेर के समान धनवान् व्यक्ति भी जब तक लज्जा और भय को छोड़कर 'देहि' (दो) यह नहीं कहता तब तक उसका कोई तिरस्कार नहीं करता—अर्थात् धनवान् व्यक्ति 'मुझे दो' ऐसा कह दूसरों के आगे हाथ पसारता है तब वह भी तिरस्कार का भागी बन जाता है।

याचना करना मृत्यु के तुल्य है। नीतिकार ने कहा है—

गात्रभंग: स्वरे दैन्यं, प्रस्वेदो वेपथुस्तथा।

मरणे यानि चिन्हानि, तानि चिन्हानि याचने।।

मृत्यु के समय जो लक्षण प्रकट होते हैं—शरीर के अवयवों का ढीला पड़ जाना, वाणी में दीनता, पसीना तथा कंपन आदि वे सभी लक्षण याचना के समय भी प्रकट होते हैं।

५६. गृहवास ही श्रेय है (सेओ अगारवासु त्ति)

याचना के परीषह से पराजित होकर भिक्षु ऐसा न सोचे कि गृहवास ही श्रेयस्कर है, अच्छा है, क्योंकि वहां कुछ भी किसी से मांगना नहीं पड़ता, याचना नहीं करनी पड़ती। वहां अपने पुरुषार्थ से अर्जित कमाई का खाना होता है और वह भी दीन, अनाथ आदि को संविभाग देकर ही खाना होता है। इसलिए गृहवास ही अच्छा है।

५७. (श्‍लोक ३०)

लाभ और अलाभ—यह एक द्वन्द्व है। मुनि को प्रत्येक पदार्थ याचित मिलता है। इसलिए उसे कभी वस्तु की प्राप्ति हो जाती है और कभी नहीं भी होती। अप्राप्ति में उसका मन विभाजित न हो, इसलिए बत्तीसवें श्‍लोक में एक आलंबन सूत्र निर्दिष्ट है। जो मुनि लाभ में हर्षित होता है, वह अलाभ में विषण्ण होगा ही। इस स्थिति से बचने के लिए वह दोनों अवस्थाओं में सम रहे। वस्तु की प्राप्ति हो जाने पर यह न सोचे कि मैं कितना लब्धिमान् हूं कि जो चाहता हूं वह प्राप्त हो जाता है। वस्तु की प्राप्ति न होने पर यह भी न सोचे कि ओह! मैं कितना अभागा हूं कि मुझे कुछ भी नहीं मिलता। दोनों स्थितियों में वह धैर्य रखे, सम रहे। वह यह सोचे, आज मुझे यह पदार्थ नहीं मिला है तो क्या, संभव है कल या परसों या अगले दिन तो मिल सकेगा। इस आलंबन-सूत्र का जो सहारा लेता है, उसे अलाभ कभी नहीं सताता। इस आलंबन-सूत्र का मूल है—धैर्य।

एक युवक रूस के महान् लेखक टालस्टाय के पास आकर बोला—महाशय! आपकी सफलता का सूत्र क्या है? टालस्टाय ने कहा—धैर्य। युवक ने दो-तीन बार पूछा और उसे यही उत्तर मिला। वह असमंजस से घिर गया। वह बोला—यह भी कोई सफलता का सूत्र होता है? क्या धैर्य रखने से कभी भी चलनी में पानी ठहर सकता है? असंभव है। आप बात छुपा रहे हैं, सच-सच बताएं। टालस्टाय ने कहा—मित्र! जीवन की सफलता का यह महान् सूत्र है। चलनी में पानी ठहर सकता है यदि धैर्य रखा जाए। युवक झुंझला उठा। वह बोला—कैसे? कब तक धैर्य रखा जाए? टालस्टाय ने कहा, धैर्य तब तक रखो जब तक कि पानी जम कर बर्फ न बन जाए। बर्फ चलनी में ठहर सकती है।

५८. उसे अलाभ नहीं सताता (अलाभो तं न तज्जए)

व्याख्याकारों ने यहां एक लौकिक उदाहरण प्रस्तुत किया है।—

एक बार वासुदेव, बलदेव, सात्यकि और दारुक—ये चारों घोड़ों पर चढ़कर घूमने निकले। घोड़े तीव्रगामी थे। वे चारों एक भयंकर अटवी में आ पहुंचे। रात का समय होने वाला था। वे चारों एक न्यग्रोध वृक्ष के नीचे विश्राम करने ठहरे। रात्री का प्रथम प्रहर। सभी सो गए। दारुक जाग रहा था। इतने में ही क्रोध पिशाच का रूप धारण कर वहां आया और दारुक से बोला—'मैं भूखा हूं। ये जो सो रहे हैं, इनको खाकर अपनी भूख मिटाऊंगा अन्यथा तू मेरे साथ लड़।' दारुक ने उससे लड़ना प्रारंभ किया। दारुक उस पिशाच पर काबू पाने में असफल रहा। उसका क्रोध बढ़ता गया। पिशाच का क्रोध भी वृद्धिंगत होता गया। प्रहर बीतते-बीतते दारुक निष्प्राण होकर नीचे लुढ़क गया।

दूसरे प्रहर में सात्यकि उठा। पिशाच ने उसे निष्प्राण कर दिया। तीसरे प्रहर में बलदेव की भी यही गति हुई।

रात्री का चौथा प्रहर। वासुदेव उठा। पिशाच ने उसे ललकारा। दोनों लड़ने लगे। पिशाच जैसे-जैसे लड़ता, जैसे जैसे दांव-पेच खेलता, वासुदेव प्रशंसा के स्वर में कहता—'अहो! कितने बलसंपन्न हो तुम! अपार है तुम्हारी शक्ति।' ज्यों-ज्यों पिशाच इन प्रशंसा के शब्दों को सुनता, उसका रोष कम हो जाता। चौथे प्रहर के बीतते-बीतते पिशाच शक्तिहीन हो गया। वासुदेव ने उसे उठाकर एक ओर डाल दिया। प्रभात हुआ। उसने देखा कि उसके तीनों साथी हत-प्रहत हैं। पूछने पर उन्होंने कहा—पिशाच ने हमारी यह दशा की है। वासुदेव बोला—वह क्रोधरूपी पिशाच था। मैंने उसे शान्ति या क्षमा से जीत लिया है।

जैसे क्रोध को क्षमा से जीता जा सकता है, वैसे ही अलाभ को संतोष से जीता जा सकता है।

वासुदेव का पुत्र 'ढंढण' भगवान् अरिष्टनेमि के पास चातुर्याम विनय धर्म को स्वीकार कर प्रव्रजित हो गया। वह समृद्ध गांव-नगरों में विहरण करता, पर कहीं भी उसे भिक्षा नहीं मिलती। यदि कभी कुछ प्राप्त होता तो वह 'जं वा तं वा'। वह जिस घर में जाता, उस घर से दूसरे मुनियों को भी भिक्षा प्राप्त नहीं होती। सबके अन्तराय होता। उसने यह अभिग्रह कर लिया कि मुझे दूसरे मुनियों का लाभ नहीं लेना है। एक बार भगवान् द्वारका नगरी में पधारे। वासुदेव ने पूछा—भंते! आपके साधु समुदाय में दुक्कर-कारक मुनि कौन हैं? भगवान् ने कहा—ढंढण अनगार। पुन: पूछा—कैसे भंते! भगवान् ने कहा—यह मुनि अलाभ परीषह को समभाव से सह रहा है। 'भंते! वे कहां हैं?' भगवान् बोले—जब तुम नगर में प्रवेश करोगे तब वह सामने मिल जाएगा।

वासुदेव ने नगर में प्रवेश करते ही देखा कि एक अनगार सामने से आ रहा है। उसका शरीर सूखकर लकड़ी जैसा हो गया है। वह केवल हड्डियों का ढांचा मात्र रह गया है। परन्तु उसके मुखमण्डल का शान्तरस टपक रहा है। उसका पराक्रम अस्खलित है। वह ढंढण अनगार था। वासुदेव हाथी से नीचे उतरे। वंदना की। एक सेठ ने वासुदेव को वंदना करते देखा। संयोगवश ढंढण अनगार उसी सेठ के घर गए। सेठ ने उसको मोदक बहराए। उसने भगवान् के पास आकर पूछा—भंते! क्या मेरा लाभान्तराय कर्म क्षीण हो गया? भगवान् बोले—नहीं। 'क्यों भगवन्! आज मुझे भिक्षा में मोदक मिले हैं।' भगवान् बोले—आज जो भिक्षा प्राप्त हुई है, उसका मूल कारण है वासुदेव का वंदन करना। उसको देखकर ही सेठ के मन में भक्ति का भाव उमड़ा है। ढंढण अनगार ने सोचा—मैं दूसरे के लाभ पर जीना नहीं चाहता। अब मैं इस भिक्षा को दूसरों को दे भी नहीं सकता। यह सोचकर ढंढण अनगार भावना की शुभ श्रेणी में आरोहण करते-करते केवली बन गए। उसी भव में वे मुक्त हो गए।

मुनि लाभ-अलाभ में सम रहे। कभी कुछ मिल सकता है, कभी कुछ भी नहीं। उसका अपना कुछ भी नहीं होता। सारी आवश्यकताएं याचना से पूरी होती हैं। अत: उसे कभी लाभ होता है, कभी नहीं। उसका अपना स्व है—समता। उसी से वह इस परीषह का पार पा सकता है।

५९. रोग को (दुक्खं)

प्रस्तुत श्‍लोक में दु:ख शब्द रोग का वाचक है। दु:ख चार हैं—जन्म, बुढ़ापा, रोग और मृत्यु।

रोग दो प्रकार के होते हैं—आन्तरिक और बाह्य। चूर्णिकार ने तीन प्रकार के रोगों का उल्लेख किया है।—

१. वातिक—वायु के प्रकोप से होने वाला।

२. पैत्तिक—पित्त के प्रकोप से होने वाला।

३. श्‍लेष्मज—श्‍लेष्म के प्रकोप से होने वाला।

बाह्य रोग आगन्तुक होते हैं। वे विभिन्न प्रकार के कीटाणुओं से उत्पन्न होकर पीड़ित करते हैं। आन्तरिक रोग भावनात्मक असंतुलन तथा ईर्ष्या, द्वेष, अतिराग आदि आवेगों से उत्पन्न होकर आशुघाती रोग के रूप में प्रगट होते हैं। अन्तर्व्रण, अल्सर आदि रोग भावना की विकृति से होने वाले रोग हैं। वे भीतर ही भीतर बढ़ते हैं और फिर बाहर में प्रगट होकर व्यक्ति की लीला ही समाप्त कर डालते हैं।

स्थानांग सूत्र में रोगोत्पत्ति के नौ कारण निर्दिष्ट हैं—अति आहार, अहितकर आसन पर बैठना, (अहितकर भोजन), अति निद्रा, अति जागरण, उच्चार निरोध, प्रस्रवण निरोध, पंथगमन, भोजन की प्रतिकूलता, कामविकार।

६०. रोग परीषह

एक साध्वी गले के कैंसर से पीड़ित थीं। वह बढ़ता ही जा रहा था। पर साध्वी समता में लीन थीं। उन्हें आलंबन सूत्र मिला—'आत्मान्य: पुद्गलश्‍चान्य:'—आत्मा अन्य है, शरीर अन्य है। इस आलंबन सूत्र की सतत भावना से उनके भावों में परिवर्तन हुआ और वे कैंसर की भयंकर पीड़ा होते हुए भी, उसकी संवेदना से मुक्त हो गईं। उनसे पूछा जाता, पीड़ा कैसे है? वे कहतीं, पीड़ा शरीरगत है, आत्मगत नहीं। शरीर मेरा नहीं है, पीड़ा भी मेरी नहीं है। आत्मा मेरी है।

उसमें कोई पीड़ा नहीं है। कुछ महीनों तक उस असह्य पीड़ा की स्थिति में रहकर साध्वी ने पंडित मरण का समाधिपूर्वक वरण किया।

उनका सूत्र था—

'असासए सरीरम्मि, विन्नाए जिणसासणे।

कम्मे वेइज्जमाणम्मि, लाभो दु:खऽहियासणं।।'

—शरीर अशाश्‍वत है। जिन शासन को जान लेने पर यह स्पष्ट प्रतीत हो जाता है कि कर्मों को समभाव से सहना—उनसे उदीरित दु:खों में सम रहना लाभप्रद होता है।

२. मथुरा का कालवेशिक राजकुमार स्थविर आचार्य के पास प्रव्रजित हो गया। आगमों का अध्ययन कर वह एकल-विहार प्रतिमा को स्वीकार कर मुद्गशैलपुर आया। वह बवासीर के रोग से ग्रस्त था। अर्श गुदा के बाहर लटक रहे थे। अपार पीड़ा। पर वह चिकित्सा को सावद्य मानकर उस रोग का प्रतिकार नहीं कर रहा था। एक बहिन ने मुनि की अवस्था से द्रवित होकर एक वैद्य से पूछा। वैद्य बोला—बहिन! मैं कुछ औषधि दूंगा। तुम आहार में मिलाकर मुनि को दे देना। वे स्वस्थ हो जाएंगे। बहिन ने वैसा ही किया। उस औषधि की गंध से बवासीर का रोग नष्ट हो गया। मुनि को पता लगा कि एक बहिन ने वैद्य से पूछताछ कर यह आरंभ किया है। अब मेरे इस जीवन से क्या! मुझे अब अनशन कर लेना चाहिए। उन्होंने अनशन स्वीकार कर लिया।

६१. समाधिपूर्वक रहे (संचिक्ख)

संस्कृत में इसके दो रूप होते हैं—संतिष्ठेत और समीक्ष्य। बृहद्वृत्ति के अनुसार 'संतिष्ठेत' का अर्थ है—समाधिपूर्वक रहे, चिल्लाए नहीं। उन्होंने 'समीक्ष्य' का अर्थ इस प्रकार किया है—रोग हो जाने पर मुनि यह सोचे कि यह उसके कर्मों का ही विपाक है, फल है।

६२. चिकित्सा न करे, न कराए (जं न कुज्जा न कारवे)

सहज ही प्रश्‍न होता है—क्या यह विधान समस्त साधुओं के लिए है? इसके समाधान में कहा है—'चिकित्सा न करे, न कराए'७—यह उपदेश जिन-कल्पिक मुनियों के लिए है। स्थविर-कल्पी मुनि सावद्य चिकित्सा न करे, न कराए। यह शान्त्याचार्य का अभिमत है।

उन्होंने सावद्य चिकित्सा को आपवादिक विधि मानकर उसके समर्थन में एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत किया है—

'काहं अछित्तिं अदुवा अहीहं, तवोविहाणेण य उन्नमिस्सं।

गणं व णीतीइ वि सारविस्सं, सालंबसेवी समुवेति मोक्खं।।'

मुनि पांच कारणों से चिकित्सा का आलम्बन ले सकता है—

१. मैं परम्परा को व्युच्छिन्न नहीं होने दूंगा।

२. मैं ज्ञानार्जन करूंगा।

३. मैं तपोयोग में संलग्‍न होऊंगा।

४. मैं उपधान तप के लिए उद्यम करूंगा।

५. मैं नीतिपूर्वक गण की सार-संभाल करूंगा।

श्रीमज्जयाचार्य के अनुसार स्थविरकल्पी सावद्य चिकित्सा न करे और जिनकल्पी निरवद्य चिकित्सा भी न करे।

चूर्णिकार ने जिनकल्पी और स्थविर-कल्पी का उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने सामान्यत: बताया है कि मुनि न तो स्वयं चिकित्सा करे और न वैद्यों के द्वारा कराए। श्रामण्य का पालन नीरोग अवस्था में किया जा सकता है, यह बात अवश्य ही महत्त्वपूर्ण है, किन्तु इससे भी महत्त्वपूर्ण बात यह है कि मुनि रोगी होने पर भी सावद्य क्रिया का सेवन नहीं करता। यही उसका श्रामण्य है। विशेष जानकारी के लिए देखें—दसवेआलियं, ३।४ का टिप्पण।

६३. (श्‍लोक ३४)

प्रस्तुत श्‍लोक में तृणस्पर्श से होने वाले परीषह का वर्णन है। जो मुनि अचेल होता है, वस्त्ररहित होता है, तपस्या के कारण तथा रूक्ष भोजन करने के कारण जिसका शरीर बाहर से या भीतर से रूखा हो जाता है, उस मुनि को तृणस्पर्श अत्यन्त पीड़ित करता है। शरीर की रूक्षता के कारण तृणों की तीक्ष्णता या पलाल आदि घास की पोलाल के कारण मुनि के शरीर पर रेखाएं खिंच जाती हैं और दर्भ से शरीर स्थान-स्थान पर फट जाता है। जिसका शरीर स्‍निग्ध होता है, उसके लिए ये सारी बाधाएं नहीं होतीं, शरीर पर रेखाएं नहीं उभरतीं।

प्रस्तुत प्रसंग में गात्र-विराधना का अर्थ है—शरीर का फटना, शरीर का विदारित होना, शरीर पर रेखाएं उभरना।

६४. अतुल वेदना होती है (अउला हवइ वेयणा)

व्याख्याकारों ने यहां एक लघु दृष्टांत प्रस्तुत किया है—श्रावस्ती नगरी का राजकुमार भद्र संसार से विरक्त हो प्रव्रजित हो गया। कुछ समय बीता। एक बार वह अपने आचार्य से आज्ञा प्राप्त कर एकल-विहार प्रतिमा को स्वीकार कर विचरण करने लगा। उस समय छोटे-छोटे राज्य होते थे। एक बार वह 'वैराज्य' की सीमा में चला गया। वहां के आरक्षकों ने उसे गुप्तचर समझकर बंदी बना डाला। उसे बुरी तरह पीटा और शरीर पर नमक छिड़क, घास से परिवेष्टित कर, उसे छोड़ दिया। शरीर लहुलूहान था। दर्भ के तीखे नोंक उसे अत्यंत पीड़ित करने लगे। परन्तु मुनि ने अपना समताभाव नहीं छोड़ा।

६५. वस्त्र का (तंतुजं)

व्याख्या ग्रंथों में इसका अर्थ तंतुओं से बना हुआ वस्त्र या कंबल किया है। उन्होंने इसी अर्थ में पाठान्तर के रूप में 'तंतयं' (सं. तन्त्रजं) पाठ दिया है।

चूर्णि और वृत्ति—दोनों में इसे जिनकल्पिक मुनियों की अपेक्षा से माना है।

६६. मैल, रज (पंकेण वा रएण वा)

पसीने के कारण शरीर पर जमा हुआ गीला मेल 'पंक' कहलाता है और वही जब सूख कर गाढ़ा हो जाता है तब उसे 'रज' कहते हैं।

शरीर पर लगे हुए धूलीकण 'रज' कहलाते हैं।

'पंक' और 'रज' को एक शब्द में 'जल्ल' भी कहा गया है।

६७. परिताप से (परितावेण)

जो चारों ओर से परितप्त करता है, वह है परिताप। जब शरीर परितप्त होता है, तब पसीना आता है और सारा शरीर उससे लथपथ हो जाता है। मेल और रज शरीर पर जमते हैं, पसीने के कारण वे कठोर बन जाते हैं और तब खिंचाव होता है, शरीर में पीड़ा होने लगती है।

६८. सुख के लिए विलाप न करे (सायं नो परिदेवए)

मुनि आतप के कारण शरीर पर जमने वाले मेल से पीड़ित होकर ऐसा विलाप न करे कि मेल से लथपथ मेरे शरीर में कब सुख का अनुभव होगा? अच्छा होता कि मैं आज किसी नदी या जलाशय के किनारे होता, किसी पर्वत शिखर पर रहता या चन्दन, खसखस आदि वृक्षों के पास रहता और शीतल वायु का सेवन करता।

यहां 'सायं' में द्वितीया विभक्ति है। चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'साता को न बुलाए' किया है। वृत्तिकार ने इसका अर्थ 'सात का आश्रय लेकर' किया है। अत: इसमें चतुर्थी विभक्ति का अर्थ निहित है।

६९. (श्‍लोक ३८)

प्रस्तुत श्‍लोक 'सत्कार-पुरस्कार' से संबंधित है। चूर्णिकार ने इस श्‍लोक की व्याख्या में इसका अर्थ इस प्रकार किया है—सत्कार का अर्थ है—अच्छा करना तथा सत्कार को ही पुर:—आगे रखना सत्कार-पुरस्कार है।

बृहद्वृत्तिकार ने इसी अध्ययन के तीसरे सूत्र में उल्लिखित 'सत्कार-पुरस्कार परीषह, की व्याख्या में कहा है—अतिथि का वस्त्रदान आदि से पूजा करना, सत्कार है। अभ्युत्थान करना, आसन देना आदि को पुरस्कार माना है।' इसका वैकल्पिक अर्थ है—अभ्युत्थान, अभिवादन आदि सारी क्रियाएं सत्कार हैं और इनके द्वारा किसी की अगवानी करना पुरस्कार है। राजवार्तिक में सत्कार का अर्थ—पूजा, प्रशंसा और पुरस्कार का अर्थ—किसी भी प्रवृत्ति के प्रारंभ में व्यक्ति को आगे रखना, मुखिया बनाना अथवा आमंत्रित करना किया है।

७०. (अणुक्कसाई अप्पिच्छे अण्णाएसी)

अणुक्कसाई—चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'अल्प कषाय वाला' किया है। शान्त्याचार्य ने इसका मुख्य अर्थ 'अनुत्कशायी—सत्कार आदि के लिए उत्कण्ठित न रहने वाला' किया है और वैकल्पिक अर्थ—'अणु-कषायी—सत्कार आदि न करने वालों पर क्रोध नहीं करने वाला' तथा 'सत्कार होने पर अभिमान नहीं करने वाला' किया है। नेमिचन्द्र भी इसी का अनुसरण करते हैं।

१५।१६ की टीका में शान्त्याचार्य ने इसके दो संस्कृत रूप दिए हैं। वहां 'अनुत्कशायी' के स्थान पर 'अनुत्कषायी' माना है। (१) अणुकषायी—अल्प कषाय वाला। (२) अनुत्कषायी—जिसके कषाय प्रबल न हों।

अप्पिच्छे—अल्पेच्छ—अल्प इच्छा वाला। जो मुनि धर्मोपकरण के अतिरिक्त कुछ भी पाने की अभिलाषा नहीं करता, सत्कार-पूजा आदि की वांछा नहीं करता, वह 'अल्पेच्छ' कहलाता है। शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—(१) थोड़ी इच्छा वाला (२) इच्छा रहित—निरीह।

अण्णाएसी—जो अज्ञात रहकर—तप, जाति आदि का परिचय दिए बिना आहार की एषणा करता है, उसे 'अज्ञातैषी' कहा जाता है। अपरिचित कुलों से एषणा करने वाला भी 'अज्ञातैषी' कहलाता है। मनुस्मृति में भी भोजन के लिए कुल-गोत्र का परिचय देने वाले ब्राह्मण को 'वान्ताशी' कहा है।

७१. प्रज्ञावान् मुनि....अनुताप न करे (नाणुतप्पेज्ज पण्णवं)

मुनि अन्यतीर्थिकों को राजा, अमात्य आदि विशिष्ट जनों से सत्कारित होते देखकर अपने मन में यह अनुताप न करे—अरे! मैं भी इनमें प्रव्रजित क्यों न हो गया? मैं श्रमण बना। श्रमण तो कुछेक लोगों के द्वारा पूजनीय और वन्दनीय हैं। दूसरे तीर्थिक इनको पराभूत भी कर देते हैं। मैंने क्यों श्‍वेत वस्त्र धारण किए।

मुनि कभी भी ऐसा न सोचे। जो ऐसा नहीं सोचता वही प्रज्ञावान् होता है।

७२. (श्‍लोक ४०)

प्रज्ञा होने पर उसका मद करना प्रज्ञा परीषह है। इसी प्रकार प्रज्ञा न होने पर हीनता की अनुभूति करना भी प्रज्ञा परीषह है। पहले में प्रज्ञा के उत्कर्ष का भाव है और दूसरे में प्रज्ञा के अपकर्ष का भाव है।

मूल सूत्र में अप्रज्ञान से उत्पन्न हीनभाव को सहन करने का वर्णन है। प्रज्ञा-मद सूत्र से फलित नहीं है। चूर्णिकार ने प्रज्ञामद का वर्णन किया है। उसकी तुलना राजवार्तिक के वर्णन से की जा सकती है। राजवार्तिक में केवल प्रज्ञा-मद का ही वर्णन मिलता है। वहां प्रज्ञा के अपकर्ष से होने वाले हीनभाव का वर्णन नहीं है। चूर्णि में उसका उल्लेख भी मिलता है।

शान्त्याचार्य ने भी प्रस्तुत सूत्र की व्याख्या प्रज्ञा के उत्कर्ष और अपकर्ष—दोनों दृष्टियों से की है। नेमिचन्द्र ने प्रज्ञा के अपकर्ष की दृष्टि से इसकी व्याख्या की है। उन्होंने मूल सूत्र का ही अनुसरण किया है। कथा के प्रसंग में उन्होंने प्रज्ञामद का उल्लेख भी किया है।

ज्ञानावरण कर्म के उपार्जन के पांच हेतु हैं—

१. ज्ञान और ज्ञानवान् की निन्दा करना।

२. ज्ञान और ज्ञानवान् पर प्रद्वेष रखना।

३. ज्ञान और ज्ञानवान् के प्रति मत्सरभाव रखना।

४. ज्ञान और ज्ञानवान् का उपघात करना।

५. ज्ञान और ज्ञानवान् के मार्ग में विघ्न उत्पन्न करना।

जब ज्ञानावरण कर्म का विपाक होता है तब ज्ञान आवृत हो जाता है। ऐसी स्थिति में जब कोई कुछ पूछता है तब व्यक्ति उसका उत्तर न दे पाने के कारण मन ही मन अपने को हीन मानने लग जाता है। यह प्रज्ञा के अभाव के कारण उत्पन्न परीषह है।

सूत्रकार ने इस परीषह को समभावपूर्वक सहने के कुछ सूत्र निर्दिष्ट किए हैं—

१. मैंने स्वयं इस अज्ञान का हेतुभूत ज्ञानावरण कर्म का उपार्जन किया है।

२. ये कर्म तत्काल ही उदय में नहीं आए। अबाधाकाल बीत जाने पर, उपयुक्त निमित्तों का संयोग मिलने पर, इनका विपाक हुआ है। अब मेरे लिए यही श्रेयस्कर है कि मैं इनके विघात के लिए प्रयत्‍न करूं, न कि विषादग्रस्त होकर अपने आपको दु:खी बनाऊं।

३. सहज ही आज इन कर्मों का विपाक हो रहा है तो मैं इन्हें सहन करूं।

७३. पश्‍चात् उदय में आते हैं (पच्छा उइज्जन्ति)

कर्म-बन्ध की प्रक्रिया के अनुसार कर्मों का बन्ध होते ही वे उदय में नहीं आ जाते। प्रत्येक कर्मबन्ध का अबाधाकाल होता है। यह वह काल है जिसमें कर्म सुषुप्त रहते हैं, फल नहीं देते। जब वह काल पूर्ण होता है तब वे उदय में आते हैं, चाहे उनका विपाकोदय हो या प्रदेशोदय हो। यहां 'पच्छा' (सं. पश्‍चात्) शब्द से अबाधाकाल गृहीत है।

उइज्जन्ति—यहां भविष्यत् काल का व्यत्यय मानकर बृहद्वृत्तिकार ने इसका रूप 'उदेष्यन्ति' दिया है। हमने 'उदीर्यन्ते' के आधार पर अर्थ किया है।

७४. प्रज्ञा परीषह

सुवर्णभूमि में आर्य सागर अपनी शिष्य मंडली के साथ सुखपूर्वक रह रहे थे। उनके दादागुरु आचार्य कालक उज्जैनी में थे। एक बार उन्होंने सोचा, ओह! मेरे सारे शिष्य मंद श्रद्धा वाले हो गए हैं। वे न सूत्र पढ़ते हैं और न अर्थ का अनुचिन्तन करते हैं। वे सभी साध्वाचार में भी शिथिल हो रहे हैं। मैं मृदुता से उनको इस ओर खींचता हूं, पर वे मेरी इस प्रेरणा को सम्यक् नहीं लेते। उनकी बार-बार सारणा-वारणा से मेरे सूत्रार्थ की हानि होती है और कभी-कभी रोषवश कर्मबन्ध भी होता है। ऐसा चिन्तन कर वे रातोरात वहां से अकेले ही सुवर्णभूमि की ओर चल पड़े। आर्य सागर ने उन्हें नहीं पहचाना। वे उनके गण में सम्मिलित हो गए। आर्य सागर अनुयोग की वाचना देने लगे। उन्होंने उस वृद्ध मुनि से पूछा—'कुछ ज्ञात हो रहा है?' उसने कहा—हां। आर्य सागर का मन प्रफुल्ल हो गया। प्रज्ञा का अहं जाग उठा। कुछ दिन बीते।

उज्जैनी से आर्य कालक के सभी शिष्य उनकी टोह में निकले। वे सुवर्णभूमि में आए। आर्य सागर से पूछा—क्या यहां आर्य कालक आए थे? उन्होंने कहा—एक वृद्ध अवश्य आया था। मैं आर्य कालक को नहीं पहचानता। वे शिष्य आर्य कालक को पहचान गए। आर्य सागर ने अपने दादागुरु के प्रति हुई आशातना के लिए क्षमा याचना की और पूछा—क्षमाश्रमण! मेरी व्याख्या पद्धति कैसी है? आर्य कालक बोले—व्याख्या शैली सुन्दर है, पर कभी गर्व मत करना। एक-एक से बड़े ज्ञानी संसार में हैं। 'मैं ही ज्ञानी हूं' ऐसा मानना मूर्खता का द्योतक है। ज्ञान के क्षयोपशम का तरतम होता है, इसे मत भूलना।

आर्य सागर समझ गए। उन्होंने सोचा, अरे! मैंने ज्ञान का गर्व कर बहुत कुछ खो डाला। प्रज्ञा का गर्व नहीं करना, यह है प्रज्ञा के परीषह को सहना।

७५. निवृत्त हुआ (विरओ)

विरति के पांच प्रकार हैं—प्राणातिपात विरति, मृषावाद विरति, अदत्तादान विरति, मैथुन विरति और परिग्रह विरति।

प्रस्तुत श्‍लोक में मैथुन विरति का ही उल्लेख है। सभी विरतियों में मैथुन विरति सबसे कठिन है, बड़ी है, इसलिए इसका मुख्य रूप से उल्लेख हुआ है।

बृहद्वृत्तिकार मानते हैं कि पुरुष में अब्रह्म के प्रति अति आसक्ति होती है और उसके लिए इसका त्याग अत्यन्त कठिन होता है, इसलिए इसका यहां ग्रहण किया गया है।

आचार्य नेमिचन्द्र ने इन्हीं कारणों का निर्देश देते हुए एक सुन्दर गाथा प्रस्तुत की है—

'अक्खाणऽसणी कम्माण मोहणी तह वयाण बंभं च।

गुत्तीण य मणगुत्ती, चउरो दुक्खेण जिप्पंति।।'

चार पर विजय पाना अत्यन्त कठिन होता है—

१. इन्द्रियों में जिह्वा इन्द्रिय पर।

२. कर्मों में मोहनीय कर्म पर।

३. व्रतों में ब्रह्मचर्य व्रत पर।

४. गुप्तियों में मनोगुप्ति पर।

७६. (जो सक्खं....धम्मं कल्लाण पावगं)

अज्ञान से आवृत साधक सोचता है कि मैं साक्षात् या स्पष्ट रूप से नहीं जानता कि धर्म कल्याणकारी है या पापकारी?

चूर्णिकार ने इन दो पदों के तीन अर्थ किए हैं। साधक सोचता है, मैं साक्षात् नहीं जानता कि—

१. कल्याणकारी धर्म कौन सा है और पापकारी धर्म कौन सा है?

२. कौन से कर्म कल्याणकारी हैं और कौन से कर्म पापकारी?

३. ऐसे कौन से कर्म हैं, जिनका फल कल्याणकारी होता है और ऐसे कौन से कर्म हैं, जिनका फल पापकारी होता है?

बृहद्वृत्ति में दो विकल्प प्रस्तुत हैं—

१. शुभ धर्म कौन सा है और अशुभ धर्म कौन सा है?

२. मुक्ति का हेतुभूत धर्म कौन सा है और नरक आदि का हेतुभूत धर्म कौन सा है?

प्रस्तुत चरण में प्रयुक्त 'सक्खं' का अर्थ है—साक्षात्। यही शब्द १२।३७ में इसी अर्थ में प्रयुक्त हुआ है। चूर्णिकार ने 'समक्खं' पाठ मानकर उसका अर्थ साक्षात् किया है।

७७. तपस्या और उपधान को (तवोवहाण.....)

तप और उपधान—ये दो शब्द हैं। तप का अर्थ है—भद्र, महाभद्र आदि तपोनुष्ठान।

उपधान शब्द जैन परम्परा का पारिभाषिक शब्द है। प्रत्येक आगम का अध्ययन प्रारंभ करने से पूर्व साधक को कुछ निश्‍चित तपस्याएं करनी होती हैं। वे तपस्याएं उपधान कहलाती हैं। इसमें आचाम्ल तप की प्रधानता रहती है।

आगमों के अध्ययन काल में आचाम्ल (आयंबिल) आदि तपस्या करने की परम्परा रही है। प्रत्येक आगम के लिए तपस्या के दिन निश्‍चित किए हुए हैं। विशेष जानकारी के लिए देखें— आचार दिनकर विभाग १; योगोद्वहनविधि, पत्र ८६-११०।

प्रस्तुत आगम के ११।१४ में उपधान करने वाले के लिए ''उवहाणवं'' (उपधानवान्) का प्रयोग मिलता है।

७८. प्रतिमा को (पडिमं)

प्रतिमा का अर्थ कायोत्सर्ग है। चूर्णि और बृहद्वृत्ति में इसका अर्थ मासिकी आदि भिक्षु-प्रतिमा किया है।

किन्तु यह सांकेतिक है। प्रस्तुत प्रतिमा शब्द स्थान-मुद्रा का सूचक है। बैठी या खड़ी प्रतिमा की तरह स्थिरता से बैठने या खड़े रहने को प्रतिमा कहा गया है। प्रतिमाओं में उपवास आदि की अपेक्षा कायोत्सर्ग व आसनों की प्रधानता होती है। इसलिए उनका नाम उपवास प्रधान न होकर कायोत्सर्ग प्रधान है। वे बारह हैं। विशेष जानकारी के लिए देखें—दशाश्रुत-स्कन्ध, दशा।

७९. छद्म (छउमं)

जो आच्छादित करता है, वह छद्म है। आत्मगुणों को आच्छादित करने वाले चार कर्म हैं—ज्ञानावरणीय कर्म, दर्शनावरणीय कर्म, मोहनीय कर्म और अन्तराय कर्म। इनकी विद्यमानता में छद्मस्थता बनी रहती है।

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रसंग में यहां केवल ज्ञानवरणीय कर्म गृहीत हैं।

८०. (श्‍लोक ४२-४३)

सत्य का साक्षात्कार न होने के कारण हीन भावना से ग्रस्त होना अज्ञान परीषह है। प्रज्ञा परीषह और अज्ञान परीषह में क्या अन्तर है—यह प्रश्‍न सहज ही उभरता है। राजवार्तिक में इसका समाधान इस प्रकार मिलता है—प्रज्ञा परीषह का सम्बन्ध श्रुतज्ञान से है। सामान्य विषय की जानकारी न होना प्रज्ञा परीषह है। अज्ञान परीषह का सम्बन्ध अवधिज्ञान आदि अतीन्द्रिय ज्ञान से है।

चूर्णिकार ने इन श्‍लोकों की व्याख्या ज्ञान परीषह—इन दोनों अपेक्षाओं से की है।

वृत्तिकार ने अज्ञान के भावपक्ष और अभावपक्ष के आधार पर इनकी व्याख्या प्रस्तुत की है।

राजवार्तिक में अज्ञान परीषह के दो अर्थ किए गए हैं। पहला अर्थ है—तू अज्ञानी है, इत्यादि आक्षेपात्मक वचनों को सुनना। दूसरा अर्थ है—प्रस्तुत श्‍लोकवर्ती निरूपण।

वृत्तिकार ने अज्ञान के सद्भाव को समझाने के लिए यह उदाहरण प्रस्तुत किया है—

दो भाई एक साथ प्रव्रजित हुए। एक बहुश्रुत था और दूसरा अल्पश्रुत। बहुश्रुत मुनि के पास अनेक शिष्य प्रव्रजित हुए और वह उन्हें अध्यापन कराने लगा। सभी शिष्य अध्यापन से संतुष्ट थे। अध्ययन-काल में उनमें जिज्ञासाएं उभरतीं और वे उनका समाधान बहुश्रुत मुनि के पास पा लेते। दिन भर मुनि को विश्राम नहीं मिलता। रात का समय भी शिष्यों को पढ़ाने और प्रश्‍नों का समाधान देने में बीत जाता। नींद लेने का समय भी कम रहता।

अल्पश्रुत मुनि सुखपूर्वक रहता और खूब नींद लेता। न कोई दूसरा मुनि उसके पास जाता और न कुछ पूछता। एक बार बहुश्रुत मुनि ने सोचा—ओह! धन्य है यह साथी मुनि जो नींद तो सुख से लेता है। मैं मंदभाग्य हूं कि मुझे सोने में भी अड़चनें आती हैं। इसका मुख्य कारण है मेरा ज्ञानी होना। ज्ञान की ऐसी उपासना से क्या लेना-देना। इस चिन्तन से उसके ज्ञानावरणीय कर्म का बन्ध हुआ। उसने इस असद् चिन्तन का प्रायश्‍चित्त नहीं किया।

वहां से मरकर वह देव बना। वहां का आयुष्य पूरा कर वह आभीर कुल में जन्मा। युवा होने पर किसी एक निमित्त को पाकर वह विरक्त हुआ और एक आचार्य के पास दीक्षित हो गया। गुरु ने उसे उत्तराध्ययन के प्रथम तीन अध्ययन सिखाए। जब उसे चौथे अध्ययन 'असंखयं' की वाचना दी गई, उस समय उसका पूर्व बन्धा हुआ ज्ञानावरण कर्म विपाक में आया। उसने बेला किया, आचाम्ल प्रारंभ किए, पर उस अध्ययन का एक भी श्‍लोक नहीं सीख पाया। वह आचार्य के पास गया। आचार्य ने कहा—जब तक यह अध्ययन न सीख लो, तब तक आचाम्ल तप करते रहो। इसे शिरोधार्य कर वह आयंबिल तप करने लगा। बारह वर्ष तक यह क्रम चला। इस अवधि में उसने केवल 'असंखयं'—यह अध्ययन मात्र सीखा। ज्ञानावरण कर्म क्षीण हुआ और फिर उसने शीघ्र ही अन्यान्य आगम सीख लिए।

अज्ञान के अभावपक्ष की दृष्टि से वृत्तिकार ने लिखा है कि साधक निरन्तर यह सोचे, यद्यपि मैं समस्त शास्त्रों का पारायण कर सभी तथ्यों को कसौटी पर कस चुका हूं, किन्तु मुझे ज्ञान का गर्व नहीं करना है। क्योंकि—

'पूर्वपुरुषसिंहानां विज्ञानातिशयसागरानन्त्यम्।

श्रुत्वा साम्प्रतपुरुषा:, कथं स्वबुद्ध्या मदं यान्ति।'

—मेरे से पूर्व अनेक बहुश्रुत मुनि हो चुके हैं। उनका विज्ञान सागर की भांति अथाह था। उनके समक्ष मैं बिन्दुमात्र हूं। मैं किस आधार पर अहं करूं?

वृत्तिकार ने एक कथानक भी प्रस्तुत किया है—

आचार्य स्थूलभद्र ग्रामानुग्राम विचरण करते हुए एक नगर में आए। वे बहुश्रुत और अनेक विद्याओं के पारगामी थे। उस नगर में उनका एक पूर्व परिचित मित्र रहता था। वे उसके घर गए और गृहपत्‍नी से पूछा—अमुक व्यक्ति कहां है? उसने कहा—'महाराज! वे व्यापार के लिए परदेश गए हैं।' आचार्य ने इधर-उधर देखा। उन्हें लगा कि जो घर पहले वैभव से परिपूर्ण और साफ-सुथरा था, वह आज खंडहर जैसा हो रहा है। उन्होंने अपने ज्ञानबल से जान लिया कि इस व्यक्ति के पूर्वजों ने घर के अमुक खंभे के नीचे धन गाड़ रखा था। वह आज भी ज्यों का त्यों पड़ा है। उनका मन पसीज गया। उन्होंने गृहपत्‍नी को खंभे की ओर अंगुली करते हुए सांकेतिक भाषा में कुछ कहा। उसने समझा कि महाराज मुझे अनित्यता का उपदेश दे रहे हैं। आचार्य वहां से चले गए। कुछ समय पश्‍चात् गृहपति घर आया। उसकी पत्‍नी ने आचार्य के आगमन की बात के साथ ही साथ सांकेतिक भाषा में जो कहा, वह सुनाया। गृहपति ने सारा संदर्भ जान लिया। खंभे के नीचे से उत्खनन किया, अपार धन मिला।

८१. ऋद्धि (इड्ढी)

यहां ऋद्धि का अर्थ है—तपस्या आदि से उत्पन्न होने वाली विशेष शक्ति—योगज विभूति। पातंजलयोग दर्शन के विभूति-पाद में जैसे योगज विभूतियों का वर्णन है वैसे ही जैन-आगमों में तपोजनित ऋद्धियों का वर्णन मिलता है। शान्त्याचार्य ने इस प्रसंग पर दो श्‍लोक उद्धृत किए हैं—

पादरजसा प्रशमनं सर्वरुजां साधव: क्षणात्कुर्यु:।

त्रिभुवनविस्मयजननान् दद्यु: कामांस्तृणाग्राद्वा।।

धर्माद्रत्‍नोन्मिश्रितकाञ्चनवर्षादिसर्गसामर्थ्यम्।

अद्भुतभीमोरुशिलासहस्रसम्पातशक्तिश्‍च।।

८२. (श्‍लोक ४४-४५)

प्रस्तुत दो श्‍लोक दर्शन परीषह से संबंधित हैं। प्रत्येक साधक किसी न किसी विचारधारा को आत्मसात् कर साधना में प्रवृत्त होता है। उस दार्शनिक धारा के प्रति उसका विश्‍वास अखण्ड होना चाहिए। अन्यथा वह पार नहीं पहुंच सकता, बीच में ही भटक जाता है।

जैन दर्शन की कुछेक मुख्य प्रतिपत्तियां ये हैं—

(१) परलोक—जन्मान्तर है।

(२) तपस्या का मुख्य फल है—कर्मों की क्षीणता और अवान्तर फल है—अनेक ऋद्धियों की उपलब्धि।

(३) केवली हुए हैं और होंगे।

प्रस्तुत दो श्‍लोकों में तीन प्रतिपत्तियों का उल्लेख हुआ है। जिस साधक में इनके प्रति अविश्‍वास होने लगता है, वह अपनी साधना को आगे नहीं बढ़ा सकता।

जब उसका मन संशय से भर जाता है कि परलोक को किसने देखा है? उसका अस्तित्व कैसे जाना जाए? तब उसे सारी क्रियाएं निरर्थक, कष्ट सहन व्यर्थ लगने लगता है। वह अपनी कठोर चर्या से फिसल जाता है।

साधक तपस्या करता है और जानता है कि उसे ऋद्धियां—योगज विशेषता प्राप्त होंगी, पर जब ऋद्धि-प्राप्ति में विलम्ब होता है, तब वह तपस्या से मुंह मोड़ लेता है। उसकी धृति डोल जाती है।

दो तपस्वी तपस्या कर रहे थे। नारदजी उधर से निकले। एक ने पूछा—ऋषिवर! कहां जा रहे हैं? नारद ने कहा—भगवान् के पास। तपस्वी ने कहा—मेरा एक काम करें। भगवान् से पूछें कि मेरी मुक्ति कब होगी? नारद आगे बढ़े। दूसरे तपस्वी ने भी यह बात कही। नारदजी लौटते समय उसी रास्ते से गुजरे और दूसरे तपस्वी से कहा—भगवान् ने कहा है कि तुम्हारी मुक्ति तीन जन्मों के बाद हो जाएगी। तपस्वी ने यह सुना। मन में उथल-पुथल हुई। सोचा, अरे क्या? मैं साठ हजार वर्षों से तप तप रहा हूं, फिर भी मुझे तीन जन्म और लेने पड़ेंगे? यह कैसा न्याय? उसने उसी समय तपस्या को तिलांजलि देकर गांव की ओर प्रस्थान कर दिया।

नारदजी पहले तपस्वी के पास पहुंचे और बोले—ऋषिवर! भगवान् ने कहा है कि तुम्हारी मुक्ति होगी अवश्य ही, किन्तु जिस वृक्ष के नीचे तुम तपस्या कर रहे हो, उस वृक्ष के जितने पत्तें हैं, उतने वर्ष और लगेंगे। तपस्वी ने सुना। उसका मन हर्ष से भर गया। वह नाचते हुए गुनगुनाने लगा—'मेरी मुक्ति हो जाएगी। मेरी मुक्ति हो जाएगी।'

यह है धृति और अधृति का खेल। साधना में धृति रखनी होती है।

जब साधक में वीतराग या आप्त पुरुष के अस्तित्व के प्रति सन्देह हो जाता है तब वह उसके वचनों के प्रति भी सन्देहशील बन जाता है। 'जिन' सदा सबके प्रत्यक्ष नहीं होते। व्यक्ति को विश्‍वास पर व्यवहार करना होता है। जो शास्त्र है, वे वीतराग की वाणी के आधार पर संगृहीत हैं, ऐसा मानने वाला साधक ही उन वचनों के आधार पर अपनी साधना का यात्रापथ तय कर सकता है, अन्यथा नहीं। बिना विश्‍वास एक पैर भी नहीं चला जा सकता।

वर्तमान में भगवान् महावीर का शासन चल रहा है। वे चौबीसवें तीर्थंकर थे। उनसे पूर्व तेईस तीर्थंकर हो चुके थे। इसीलिए कहा गया—'अभू जिणा'-जिन हुए थे। 'अत्थि जिणा'—जिन हैं—यह कथन तीर्थंकर महावीर की सूचना देता है। वृत्तिकार ने लिखा है कि यह अध्ययन कर्मप्रवाद पूर्व के सतरहवें प्राभृत से उद्धृत किया गया है और सुधर्मा स्वामी ने प्रत्यक्षत: जम्बूस्वामी को यह कहा है, इसलिए वीतराग की उपस्थिति का उल्लेख है अथवा महाविदेह आदि क्षेत्रों की अपेक्षा से भी यह कथन यथार्थ है। वहां तीर्थंकर सदा रहते हैं।

चौवालीसवें श्‍लोक के 'नत्थि नूणं परे लोए' को आधार बनाकर व्याख्याकारों ने आचार्य आषाढ़ का कथानक प्रस्तुत किया है। वह इस प्रकार है—

वत्सभूमि में आषाढ़ विचरण कर रहे थे। वे एक गण के आचार्य थे। वे बहुश्रुत और अनेक शिष्यों के आचार्य थे। उस गण में जो-जो मुनि दिवंगत होते, वे उनको अनशन करवाते और कहते—जब तुम देव बनो, तब अवश्य ही मुझे दर्शन देना। वर्ष बीत गए। अनेक संथारे हुए, परन्तु कोई लौटकर नहीं आया। एक बार एक अत्यन्त प्रिय शिष्य मृत्यु शय्या पर था। आचार्य ने उसे भक्त प्रत्याख्यान कराते हुए कहा—देवरूप में उत्पन्न होते ही शीघ्र यहां आकर दर्शन देना, प्रमाद मत करना। मुनि की मृत्यु हो गई। पर वह भी नहीं आया। आचार्य ने सोचा, यह निश्‍चित है कि परलोक है ही नहीं। अनेक गए, पर कोई नहीं आया। अत: यह व्रतचर्या निरर्थक है। मैंने व्यर्थ ही भोगों का परित्याग किया। आचार्य डावांडोल हो गए। उसी मुनिवेश में वे गण का त्याग कर चले गए। इतने में ही उनके एक दिवंगत शिष्य ने देखा। उनको प्रतिबोध देने के लिए उसने मार्ग में एक गांव की रचना की और वहां नृत्य का आयोजन किया। आचार्य वहां छह माह तक रहे। न उन्हें भूख सताती थी, न प्यास और न श्रम। छह माह के काल का बीतना भी उन्होंने नहीं जाना। देवता ने अपनी माया समेटी। आचार्य वहां से चले। देवता ने उनके संयम के परिणामों की परीक्षा करने के लिए छह बालकों की विकुर्वणा की। आचार्य के समक्ष पहला बच्चा आया। उसका नाम था—पृथ्वीकाय। आचार्य ने सोचा, मैं इसके सारे गहने ले लूं। जीवन सुखपूर्वक बीतेगा। आचार्य ने बच्चे को कहा—गहने उतार कर दो। बच्चा बोला—भंते! इस भीषण अटवी में मैं आपकी शरण में आया हूं। आप ही मुझे लूटते हैं। यह कैसा न्याय? मेरी बात सुनें, फिर जैसा चाहें वैसा करें।

जेण भिक्खं बलिं देमि, जेण पोसेमि नायए।

सा मे मही अक्कमइ, जायं सरणओ भयं।।

जो पृथ्वी सबका संरक्षण करती है, भरण-पोषण करती है, वही पृथ्वी मेरा भक्षण करती है तो लगता है कि शरण देने वाला ही प्राण हरण करता है।

आचार्य ने उसके गहने उतार कर उसे छोड़ दिया। गहने अपने पात्र में रख लिए।

इतने में अप्काय नामक दूसरा बालक आया। वह भी सुअलंकृत था। आचार्य ने कहा—गहने दे दे, अन्यथा मार डालूंगा। लड़का बोला—मेरी बात सुनें। पाटल नाम का व्यक्ति कथा कहकर आजीविका चलाता था। एक बार वह गंगा नदी को पार कर रहा था। इतने में ही उसमें तीव्र प्रवाह आया और वह पाटल बहने लगा। भंते! देखें—

जेण रोहंति बीयाणि, जेण जीयंति कासया।

तस्स मज्झे विवज्जामि, जायं सरणओ भयं।।

जिस जल के प्रभाव से बीज उत्पन्न होते हैं, कृषक जीवन यापान करते हैं, वही जल मुझे मार रहा है। यह सच है कि शरण देने वाला ही प्राण हरण कर रहा है।

आचार्य ने उसके गहने ले लिए और उसे अभयदान देकर छोड़ दिया।

तीसरा बालक तेजस्काय सामने आया। उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा—गुरुदेव! एक कथा सुनें। एक जंगल में तपस्वी रहता था। वह प्रतिदिन अग्‍नि की पूजा करता, आहुति देता। एक बार उसी आग से उसकी झोपड़ी जल कर राख हो गई। उस तपस्वी ने कहा—

जमहं दिया राओ य, तप्पेमि महुसप्पिसा।

तेण मे उडओ दड्ढो, जायं सरणओ भयं।।

मैं जिस आग का मधु और घृत से सिंचन करता था, उसी अग्‍नि ने मेरा—उटज जला डाला। शरण देने वाला भी भयप्रद हो गया।

एक व्यक्ति जंगल में जा रहा था। इतने में ही व्याघ्र आता हुआ दिखा। उसने अग्‍नि की शरण ली। अग्‍नि जला कर वह वहां बैठ गया। अग्‍नि को देखकर व्याघ्र भाग गया, पर उस अग्‍नि ने उसे जला डाला। जिसको शरण माना था, वही अशरण हो गया।

आचार्य ने उसके गहने ले लिए और उसे जीवित छोड़ दिया।

चौथे बालक का नाम था—वायुकाय। आचार्य के समक्ष आते ही, आचार्य ने उसे आभूषण देने के लिए कहा। उसने आनाकानी की। आचार्य ने मार डालने की धमकी दी। बालक बोला—पहले मेरी बाते सुनें, फिर जो मन चाहे करें। भंते! एक युवक था। वह शक्तिसम्पन्न और शरीर-संपदा से युक्त था। उसे वायु का रोग हुआ। शीतल वायु भी उसे पीड़ित करने लगी। जिस वायु के सहारे प्राणी जीवित रहते हैं वही वायु प्राण-हरण भी कर लेती है। जो प्राणदाता है, वह प्राणहर्ता भी हो जाता है। ठीक ही कहा है—

जिट्ठासाढेसु माणेसु, जो सुहोवाइ मारुओ।

तेण मे भज्जए अंगं, जायं सरणओ भयं।

जेण जीवंति सत्ताणि, निराहंमि अणंतए।

तेण मे भज्जए अंगं, जायं सरणओ भयं।।

आचार्य ने सुना, गहने अपने पात्र में रखे और उसे जीवित ही छोड़ दिया।

पांचवां बालक था—वनस्पतिकाय। उसने कहा—भंते! जंगल में एक घना वृक्ष था। उस वृक्ष पर अनेक पक्षी आकर विश्राम करते थे। वह पक्षियों का आवास-स्थान था। पक्षियों ने अपने घोंसले बना रखे थे और उन घोंसलों में उनके बच्चे पलपुष रहे थे। एक बार उसी वृक्ष के पास से एक बेल ऊपर उठी और पनपने लगी। धीरे-धीरे उस वल्ली ने सारे वृक्ष को आच्छादित कर दिया। वह वल्ली ऊपर तक बढ़ गई। एक दिन एक सर्प उस वल्ली के सहारे ऊपर चढ़ा और घोंसलों में स्थित सभी बच्चों को खा डाला। भंते! कैसा अन्याय! जो वृक्ष अभयस्थान था, वही वल्ली के कारण त्रासदायी बन गया—

जाव वुच्छं सुहं वुच्छं, पादवे निरुवद्दवे।

मूलाउ उट्ठिया वल्ली, जायं सरणओ भयं।।

आचार्य ने उसके आभूषण ले लिए और उसको छोड़ दिया।

छठे बालक का नाम था—त्रसकाय। आचार्य ने उसे देखा। ज्यों ही आचार्य उसके आभूषण उतारने लगे, वह बोला—गुरुवर्य! यह आप क्या कर रहे हैं? मैं तो आपके शरणागत हूं। आप मुझे मारें नहीं। मेरी बात सुनें—एक नगर था। वहां का राजा, पुरोहित और कोतवाल—ये तीनों चोर थे। ये नगर को लूटते। सारी जनता त्रस्त थी। भंते! ये तीनों रक्षक होते हैं, पर भक्षक बन गए। ठीक ही कहा है—शरण भी भय देने वाली हो जाती है।

जत्थ राया सयं चोरो, भंडिओ या पुरोहिओ।

दिसं भयह नायरिया! जायं सरणओ भयं।।

भंते! एक बात और सुनें—

एक ब्राह्मण था। उसकी पुत्री अत्यन्त रूपवती थी। उसने यौवन में पदार्पण किया। पिता उस पुत्री में आसक्त हो गया। सदा उसी का चिंतन करते-करते उसका शरीर सूख गया। ब्राह्मणी ने पूछा। उसने सारी बात बता दी। ब्राह्मणी बोली-आप चिन्ता न करें। मैं उपाय करूंगी। एक दिन ब्राह्मणी ने अपनी पुत्री से कहा—बेटी! हमारी यह कुल परम्परा है कि कुल में जन्मी हुई पुत्री का उपभोग पहले यक्ष करता है, फिर उसका विवाह कर दिया जाता है। इस मास की कृष्ण चतुर्दशी को यक्ष आएगा। तू उसको नाराज मत करना। उस समय प्रकाश मत रखना। लड़की के मन में यक्ष का कुतूहल छा गया। चतुर्दशी का दिन। रात में उसने दीपक पर ढक्कन दे दिया। घोर अंधकार। यक्ष का प्रतिरूप वह पिता ब्राह्मण आया और रात भर लड़की के साथ रतिक्रीड़ा कर वहीं सो गया। लड़की का कुतूहल शान्त नहीं हुआ था। वह जाग रही थी। उसने दीपक से ढक्कन उठाया। उसने अपने पास सोए पिता को देखा। उसने सोचा, जो कुछ होना है, होने दो। इनके साथ भोग भोगूं। फिर दोनों रतिक्रीड़ा में संलग्‍न हो गए। सूर्योदय हो गया। पर वे जागृत नहीं हुए। ब्राह्मणी ने जगाने के लिए कुछ गीत कहा। उसके प्रत्युत्तर में लड़की ने कहा—मां! तूने ही तो मुझे शिक्षा देते हुए कहा था—बेटी! आए हुए यक्ष को मत ठुकराना। मैंने वैसे ही किया। अब पिता का यक्ष द्वारा हरण कर लिया गया है। तुम दूसरे ब्राह्मण को खोजो।

ब्राह्मणी बोली—

नवमास कुच्छीइ धालिया, पासवणे पुलिसे य मद्दिए।

धूया मे गेहिए हडे सलणए असलणए य मे जायए।।

जिस लड़की को मैंने नौ मास तक गर्भ में रखा, उसका मल-मूत्र साफ किया, आज उसी पुत्री ने मेरे पति का हरण कर लिया। शरण अशरण बन गया।

एक बार एक ब्राह्मण ने तालाब बनाया और उसके निकट एक मंदिर और बगीचा बना दिया। वहां यज्ञ होता था और यज्ञ में बकरे मारे जाते थे। वह ब्राह्मण मरा और वहीं बकरा बना। उसका पुत्र उसे उसी देवालय में बलि देने ले गया। उसे जातिस्मृति हुई। वह अपनी भाषा में बुड़बुड़ाने लगा। उसने सोचा—ओह! मैंने ही तो देव मंदिर बनाया और मैंने ही यह यज्ञ प्रवर्तित किया। वह कांप रहा था। एक ज्ञानी मुनि ने देखा। मुनि ने कुछ कहा और वह चुप हो गया। ब्राह्मण ने देखा और मुनि से पूछा। उसने कहा—वत्स! यह तेरा पिता है। उसने पूछा—इसकी पहचान क्या है? मुनि बोले—वत्स! यह तुम दोनों ने जहां जमीन में धन गाड़ा है, वह यह जानता है। बकरा उसी स्थान पर गया और अपने खुरों से पृथ्वी पर प्रहार करने लगा। लड़का जानता था। बकरे को मुक्त कर दिया। वह साधु के चरणों में लुढ़क गया।

उस ब्राह्मण ने यज्ञ और मंदिर को शरण मान कर उनका निर्माण किया था, पर वे भी अशरण ही निकले।

बालक त्रसकाय के गहने लेकर, आर्य आषाढ़ आगे चले। देव ने सोचा, आचार्य चारित्र से शून्य हो गए हैं, अब देखूं तो सही कि इनमें सम्यक्त्व है या नहीं?

आचार्य आषाढ़ छहों बच्चों के आभूषण लेकर आगे चले। उन्होंने देखा कि मार्ग के एक ओर एक गर्भवती साध्वी साज-श्रृंगार किए बैठी है। आषाढ़ आचार्य ने कहा—

कडए ते कुंडले य ते, अंजियक्खि! तिलयते य ते।

पवयणस्स उड्डाहकारिए! दुट्ठा सेहि! कतोसी आगया।।

वह कुपित होकर बोली—

राईसरिसवमेत्ताणि परच्छिड्डाणि पेच्छसे।

अप्पणो बिल्लमेत्ताणि, पिच्छन्तो वि न पेच्छसे।।

आप दूसरों के राई जितने छिद्र देख लेते हैं और अपने बड़े दोषों को देखते हुए भी नहीं देखते।

आप श्रमण हैं, संयत हैं, ब्रह्मचारी हैं, कंचन और पत्थर को समान समझते हैं, आपका वैराग्य प्रखर है, आपका वेश मूलरूप में है। आर्य! कृपाकर बताएं आपके पात्र में क्या है।

समणो सि य संजओ य सि, बंभयारी समलेट्ठुकंचणो।

वेहारियवायओ य ते, जेट्ठज्ज! किं ते पडिग्गहे।।

आचार्य बिना कुछ कहे, अत्यन्त लज्जित होकर आगे बढ़ गए। देव हाथी की विकुर्वणा कर हाथी पर चढ़ कर आचार्य के सम्मुख आया। हाथी से उतर कर वन्दना की और कहा—भंते! मेरा सौभाग्य है कि यहां जंगल में आपके दर्शन हुए। कृपा कर आप मेरे हाथ से प्रासुक दान ग्रहण करें। आचार्य ने कहा—आज उपवास है। मैं कुछ भी नहीं ले सकता। इतने में ही एक व्यक्ति ने आचार्य के हाथ से बलात् झोली ली और उसमें मोदक देने लगा। झोली में आभरण देख, रुष्ट होकर बोला—अनार्य! ये क्या हैं? मेरे पुत्रों के ये आभरण हैं। बता वे कहां हैं? क्या तूने उनको मार डाला? आचार्य भय से कांपने लगे।

देवता ने अपनी लीला समेटी और प्रत्यक्षरूप से आकर हाथ जोड़कर बोला—हाय! आप जैसे आगमधरों के लिए ऐसा सोचना उचित नहीं है कि 'परलोक नहीं है।' आप जानते हैं कि देवलोक के अपार सुख हैं। उस सुख का उपभोग करते हुए देवता नहीं जान पाते कि कितना काल बीता है। मैं इसीलिए समय पर आपके समक्ष नहीं आ सका।

आचार्य आषाढ़ की विवेक चेतना जागी। वे अपनी भूल पर पश्‍चात्ताप करने लगे। वे अपने मूल स्थान पर आए और आलोचना, प्रतिक्रमण कर वैराग्य की वृद्धि करते हुए विहरण करने लगे।

♦

तीसरा अध्ययन : चतुरंगीय

03

तीसरा अध्ययन : चतुरंगीय

आमुख

अनुयोगद्वार आगम में नामकरण के दस हेतु बतलाए गए हैं। उनमें एक हेतु 'आदान-पद' है। इस अध्ययन का नाम उसी आदान-पद (प्रथम पद) के कारण 'चतुरंगीय' हुआ है। इस अध्ययन में (१) मनुष्यता, (२) धर्मश्रुति, (३) श्रद्धा और (४) तप-संयम में पुरुषार्थ—इन चार अंगों की दुर्लभता का प्रतिपादन है। जीवन के ये चार प्रशस्त अंग—विभाग हैं। ये अंग प्रत्येक व्यक्ति के द्वारा सहज प्राप्य नहीं हैं। चारों का एकत्र समाहार विरलों में पाया जाता है। जिनमें ये चारों नहीं पाए जाते वे धर्म की पूर्ण आराधना नहीं कर सकते। एक की भी कमी उनके जीवन में लंगड़ापन ला देती है। चारों अंगों की दुर्लभता निम्‍न विवेचन से प्रकट होगी—

(१) मनुष्यता

आत्मा से परमात्मा बनने का एकमात्र अवसर मनुष्य-जन्म से प्राप्त होता है। तिर्यंच जगत् में क्‍वचित् पूर्व संस्कारों से प्रेरित धर्माराधना होती है, परन्तु वह अधूरी रहती है। देवता धर्म की पूरी आराधना नहीं कर पाते। वे विलास में ही अधिक समय गंवाते हैं। श्रामण्य के लिए वे योग्य नहीं होते। नैरयिक जीव दु:खों से प्रताड़ित होते हैं अत: उनका धार्मिक-विवेक प्रबुद्ध नहीं होता। मनुष्य का विवेक जागृत होता है। वह अति सुखी और अति दु:खी भी नहीं होता अत: वह धर्म की पूर्ण आराधना का उपयुक्त अधिकारी है।

(२) धर्म-श्रवण

धर्म-श्रवण की रुचि प्रत्येक में नहीं होती। जिनका अन्त:करण धार्मिक भावना से भावित होता है, वे मनुष्य धर्म-श्रवण में तत्पर रहते हैं। बहुत लोग दुर्लभतम मनुष्यत्व को पाकर भी धर्म सुनने का लाभ नहीं ले पाते। निर्युक्तिकार ने धर्म-श्रुति के १३ विघ्न बतलाए हैं—

१. आलस्य—अनुद्यम।

२. मोह—घरेलू धन्धों की व्यस्तता से उत्पन्न मूर्च्छा अथवा हेयोपादेय के विवेक का अभाव।

३. अवज्ञा या अवर्ण—धर्म-कथक के प्रति अवज्ञा या गर्हा का भाव।

४. स्तम्भ—जाति आदि का अहंकार।

५. क्रोध—धर्म-कथक के प्रति अप्रीति।

६. प्रमाद—निद्रा, विकथा आदि।

७. कृपणता—द्रव्य-व्यय का भय।

८. भय।

९. शोक—इष्ट-वियोग से उत्पन्न दु:ख।

१०. अज्ञान—मिथ्या धारणा।

११. व्याक्षेप—कार्य-बहुलता से उत्पन्न व्याकुलता।

१२. कुतूहल—इन्द्रजाल, खेल, नाटक आदि देखने की आकुलता।

१३. रमण—क्रीड़ा-परायणता।

(३) श्रद्धा

भगवान ने कहा—''सद्धा परम दुल्लहा''—श्रद्धा परम दुर्लभ है। जीवन-विकास का यह मूल सूत्र है। जिसका दृष्टिकोण मिथ्या होता है वह सद्भाव को सुनकर भी उसमें श्रद्धा नहीं करता और श्रुत या अश्रुत असद्भाव में उसकी श्रद्धा हो जाती है। श्रद्धा मिथ्यादृष्टि के लिए दुर्लभ है। जिसका दृष्टिकोण सम्यग् होता है वह सद्भाव को सुनकर उसमें श्रद्धा करता है। किन्तु अपने अज्ञानवश या गुरु के नियोग से असद्भाव के प्रति भी उसकी श्रद्धा हो जाती है। इस प्रकार सम्यग्-दृष्टि के लिए भी श्रद्धा दुर्लभ है।

शिष्य ने पूछा—''भंते! क्या सम्यग् दृष्टि इतनी ऋजु प्रकृति के होते हैं जो गुरु के कथनमात्र से असद्भाव के प्रति श्रद्धा कर लेते हैं?''

आचार्य ने कहा—''आयुष्मन्! ऐसा होता है। जमालि ने जब असद्भाव की प्ररूपणा की और अपने शिष्यों को उससे परिचित किया तो कुछ शिष्य उसमें श्रद्धान्वित हो गए।''

इसीलिए यह बहुत मार्मिक ढंग से कहा है कि—''श्रद्धा परम दुर्लभ है।''

(४) तप-संयम में पुरुषार्थ

निर्युक्तिकार ने संयम के आठ पर्यायवाची नाम बतलाए हैं—(१) दया (२) संयम (३) लज्जा (४) जुगुप्सा (५) अछलना (६) तितिक्षा (७) अहिंसा और (८) हिरि।

संयम के प्रति श्रद्धा होने पर भी सभी व्यक्ति उसमें पराक्रम नहीं कर पाते। जानना व श्रद्धा रखना एक वस्तु है और उसको क्रियान्वित करना दूसरी। इसमें संकल्प-बल, धृति, संतोष और अनुद्विग्‍नता की अत्यन्त आवश्यकता होती है। जिनका चित्त व्याक्षिप्त या व्यामूढ़ नहीं है, वे ही व्यक्ति संयम में प्रवृत्त हो सकते हैं।

निर्युक्तिकार ने दुर्लभ अंगों का कुछ विस्तार किया है। उसके अनुसार मनुष्यता, आर्य क्षेत्र, उत्तम जाति, उत्तम कुल, सर्वांगपरिपूर्णता, नीरोगता, पूर्णायुष्य, परलोक-प्रवण बुद्धि, धर्म-श्रवण, धर्म-स्वीकरण, श्रद्धा और संयम-ये सब दुर्लभ हैं। मनुष्य भव की दुर्लभता से दस दृष्टांत निर्युक्ति में उल्लिखित हैं।

श्रद्धा की दुर्लभता बताने के लिए सात निह्नवों की कथाएं दी गई हैं।

भगवान् ने कहा-'सोही उज्जुयभूयस्स धम्मो सुद्धस्स चिट्ठई'-सरल व्यक्ति की शोधि होती है और धर्म शुद्ध आत्मा में ठहरता है। जहां सरलता है वहां शुद्धि है और जहां शुद्धि है वहां धर्म का निवास है। धर्म का फल आत्म-शुद्धि है। परन्तु धर्म की आराधना करने वाले के पुण्य का बन्ध होता है। देवयोनि से च्युत हो जब वह पुन: मनुष्य बनता है तब वह दशांगवाली मनुष्य योनि में आता है। श्‍लोक १७ और १८ में ये दस अंग निम्‍नोक्त कहे गये हैं—

१. कामस्कन्ध।

२. मित्रों की सुलभता।

३. बन्धुजनों का सुसंयोग।

४. उच्चगोत्र की प्राप्ति।

५. रूप की प्राप्ति।

६. नीरोगता की प्राप्ति।

७. महाप्रज्ञता।

८. विनीतता।

९. यशस्विता।

१०. बलवत्ता।

इस अध्ययन के श्‍लोक १४ और १६ में आया हुआ 'जक्ख' (सं. यक्ष) शब्द भाषा-विज्ञान की दृष्टि से ध्यान देने योग्य है। इसके अर्थ का अपकर्ष हुआ है। आगम-काल में 'यक्ष' शब्द 'देव' अर्थ में प्रचलित था। कालानुक्रम से इसके अर्थ का ह्रास हुआ और आज भूत, पिशाच का-सा अर्थ देने लगा है।

तइयं अज्झयणं : चाउरंगिज्जं

तीसरा अध्ययन : चतुरंगीय

मूल

१. चत्तारि परमंगाणि, दुल्लहाणीह जंतुणो।

माणुसत्तं सुई सद्धा, संजमम्मि य वीरियं।।

हिन्‍दी अनुवाद

इस संसार में प्राणियों के लिए चार परम अंग दुर्लभ हैं१—मनुष्यत्व२, श्रुति३, श्रद्धा४ और संयम में पराक्रम।

२. समावन्नाण संसारे, नाणागोत्तासु जाइसु।

कम्मा नाणाविहा कट्टु, पुढो विस्संभिया पया।।

संसारी जीव विविध प्रकार के कर्मों का अर्जन कर विविध गोत्र वाली जातियों में५ उत्पन्न हो, पृथक्-पृथक् रूप से समूचे विश्‍व का स्पर्श कर लेते हैं६—सब जगह उत्पन्न हो जाते हैं।

३. एगया देवलोएसु, नरएसु वि एगया।

एगया आसुरं कायं, आहाकम्मेहिं गच्छई।।

जीव अपने कृत कर्मों के अनुसार कभी देवलोक में कभी नरक में और कभी असुरों के निकाय में उत्पन्न होता है।७

४. एगया खत्तिओ होइ, तओ चंडाल बोक्कसो।

तओ कीड-पयंगो य, तओ कुंथु-पिवीलिया।।

वही जीव कभी क्षत्रिय होता है, कभी चाण्डाल, कभी बोक्कस८, कभी कीट, कभी पतंगा, कभी कुंथु और कभी चींटी।

५. एवमावट्टजोणीसु, पाणिणो कम्मकिब्बिसा।

न निविज्जंति संसारे, सव्वट्ठेसु व खत्तिया।।

जिस प्रकार क्षत्रिय किसी भी अर्थ (प्रयोजन) के उपस्थित होने पर हार नहीं मानते९, उसी प्रकार कर्म-किल्विष१० (कर्म से कलुषित) जीव योनिचक्र में११ भ्रमण करते हुए भी संसार में निर्वेद नहीं पाते-उससे मुक्त होने की इच्छा नहीं करते।

६. कम्मसंगेहिं सम्मूढा, दुक्खिया बहुवेयणा।

अमाणुसासु जोणीसु, विणिहम्मंति पाणिणो।।

जो जीव कर्मों के संग से सम्मूढ, दु:खित और अत्यन्त वेदना वाले हैं, वे अपने कृत कर्मों के द्वारा मनुष्येतर (नरक-तिर्यंच) योनियों में ढकेले जाते हैं।

७. कम्माणं तु पहाणाए, आणुपुव्वी कयाइ उ।

जीवा सोहिमणुप्पत्ता, आययंति मणुस्सयं।।

काल-क्रम के अनुसार कदाचित् मनुष्य-गति को रोकने वाले कर्मों का नाश हो जाता है। उस शुद्धि को पाकर जीव मनुष्यत्व को प्राप्त होते हैं।१२

८. माणुस्सं विग्गहं लद्धुं, सुई धम्मस्स दुल्लहा।

जं सोच्चा पडिवज्जंति, तवं खंतिमहिंसयं।।

मनुष्य-शरीर प्राप्त होने पर भी उस धर्म की श्रुति दुर्लभ है जिसे सुनकर जीव तप, सहिष्णुता और अहिंसा को१३ स्वीकार करते हैं।

९. आहच्च सवणं लद्धुं, सद्धा परमदुल्लहा।

सोच्चा नेआउयं मग्गं, बहवे परिभस्सई।।

कदाचित् धर्म सुन लेने पर भी उसमें श्रद्धा१४ होना परम दुर्लभ है। बहुत लोग मोक्ष की ओर ले जाने वाले१५ मार्ग को सुनकर भी उससे भ्रष्ट हो जाते हैं।१६

१०. सुइं च लद्धुं सद्धं च, वीरियं पुण दुल्लहं।

बहवे रोयमाणा वि, नो एणं पडिवज्जए।।

श्रुति और श्रद्धा प्राप्त होने पर भी संयम में वीर्य (पुरुषार्थ) होना अत्यन्त दुर्लभ है। बहुत लोग संयम में रुचि रखते हुए भी उसे स्वीकार नहीं करते।

११. माणुसत्तंमि आयाओ, जो धम्मं सोच्च सद्दहे।

तवस्सी वीरियं लद्धुं, संवुडे निद्धुणे रयं।।

मनुष्यत्व को प्राप्त कर जो धर्म को सुनता है, उसमें श्रद्धा करता है, वह तपस्वी संयम में पुरुषार्थ कर संवृत हो कर्मरजों को धुन डालता है।१७

१२. सोही उज्जुयभूयस्स, धम्मो सुद्धस्स चिट्ठई।

निव्वाणं परमं जाइ, घयसित्त व्व पावए।।

शुद्धि उसे प्राप्त होती है, जो ऋजुभूत होता है।१८ धर्म उसमें ठहरता है जो शुद्ध होता है। जिसमें धर्म ठहरता है वह घृत से अभिषिक्त अग्‍नि की भांति परम निर्वाण (समाधि) को प्राप्त होता है।१९

१३. विगिंच कम्मुणो हेउं, जसं संचिणु खंतिए।

पाढवं सरीरं हिच्चा, उड्ढं पक्कमई दिसं।।

कर्म के हेतु को२० दूर कर।२१ सहिष्णुता से यश (संयम) का संचय कर। ऐसा करने वाला पार्थिव शरीर को२२ छोड़कर ऊर्ध्व दिशा-स्वर्ग को प्राप्त होता है।२३

१४. विसालिसेहिं सीलेहिं, जक्खा उत्तरउत्तरा।

महासुक्का व दिप्पंता, मन्नंता अपुणच्चवं।।

विविध प्रकार के शीलों की आराधना के कारण जो देव२४ उत्तरोत्तर-कल्पों व उसके ऊपर के देवलोकों की आयु का भोग करते हैं, वे महाशुक्ल२५ (चन्द्र-सूर्य) की तरह दीप्तिमान होते हैं। 'स्वर्ग से पुन: च्यवन नहीं होता' ऐसा मानते हैं।२६

१५. अप्पिया देवकामाणं, कामरूवविउव्विणो।

उड्ढं कप्पेसु चिट्ठंति, पुव्वा वाससया बहू।।

वे दैवी भोगों के लिए अपने आपको अर्पित किए हुए रहते हैं, इच्छानुसार रूप बनाने में समर्थ होते हैं२७ तथा सैकड़ों पूर्व-वर्षों तक-असंख्य काल तक२८ ऊर्ध्ववर्ती कल्पों में रहते हैं।

१६. तत्थ ठिच्चा जहाठाणं, जक्खा आउक्खए चुया।

उवेंति माणुसं जोणिं, से दसंगेऽभिजायई।।

वे देव उन कल्पों में अपनी शील-आराधना के अनुरूप स्थानों में रहते हुए आयु-क्षय होने पर वहां से च्युत होते हैं। फिर मनुष्य-योनि को प्राप्त होते हैं। वे वहां दस अंगों वाली भोग सामग्री से युक्त होते हैं।

१७. खेत्तं वत्थुं हिरण्णं च, पसवो दास-पोरुसं।

चत्तारि कामखंधाणि, तत्थ से उववज्जई।।

क्षेत्र-वास्तु, स्वर्ण, पशु और दास-पौरुषेय-जहां ये चार काम-स्कन्ध होते हैं, उन कुलों में वे उत्पन्न होते हैं।

१८. मित्तवं नायवं होइ, उच्चागोए य वण्णवं।

अप्पायंके महापण्णे, अभिजाए जसोबले।।

वे मित्रवान्, ज्ञातिमान्, उच्चगोत्र वाले, वर्णवान्, नीरोग, महाप्रज्ञ, अभिजात (शिष्ट, विनीत) यशस्वी और बलवान् होते हैं।२९

१९. भोच्चा माणुस्सए भोए, अप्पडिरूवे अहाउयं।

पुव्वं विसुद्धसद्धम्मे, केवलं बोहि बुज्झिया।।

वे अपनी आयु के अनुसार अनुपम मानवी भोगों को भोगकर, पूर्व जन्म में विशुद्ध-सद्धर्मी (निदान रहित तप करने वाले) होने के कारण सम्पूर्ण बोधि का३० अनुभव करते हैं।

२०. चउरंगं दुल्लहं मत्ता, संजमं पडिवज्जिया।

तवसा धुयकम्मंसे, सिद्धे हवइ सासए।।

वे उक्त चार अंगों को दुर्लभ मानकर संयम को स्वीकार करते हैं। फिर बचे हुए कर्मों को तपस्या से धुनकर३१ शाश्‍वत सिद्ध हो जाते हैं।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३ : चतुरंगीय

१. इस संसार में.....दुर्लभ है (दुल्लहाणीह)

निर्युक्तिकार ने मनुष्यत्व की दुर्लभता के प्रसंग में बारह दुर्लभ वस्तुओं का उल्लेख किया है।—

१. मनुष्य जन्म

२. आर्यक्षेत्र

३. आर्यजाति

४. आर्यकुल

५. शरीर की सर्वांग संपूर्णता

६. आरोग्य

७. आयुष्य

८. उज्ज्वल भविष्य

९. धर्म का श्रवण

१०. धर्म का अवधारणा

११. श्रद्धा

१२. संयम

चूर्णिकार ने संयम में असठकरण—निश्‍चल आचरण को बारहवां माना है।

चूर्णिकार और बृहद्वृत्तिकार ने इस प्रसंग में निर्युक्ति के पाठान्तर का उल्लेख किया है। उसके अनुसार ये ग्यारह वस्तुएं दुर्लभ हैं—

चूर्णिकार ने संयम में असठकरण—निश्‍चल आचरण को बारहवां माना है।

चूर्णिकार और बृहद्वृत्तिकार ने इस प्रसंग में निर्युक्ति के पाठान्तर का उल्लेख किया है। उसके अनुसार ये ग्यारह वस्तुएं दुर्लभ हैं—

१. इन्द्रियलब्धि—पांच इन्द्रियों की प्राप्ति।

२. निर्वर्तना—इन्द्रियों की पूर्ण रचना।

३. पर्याप्ति—पूर्ण पर्याप्तियों की प्राप्ति।

४. निरुपहतता—जन्म के समय अंग-विकलता से रहित।

५. क्षेम—संपन्न देश की प्राप्ति।

६. ध्राण—सुभिक्ष क्षेत्र अथवा वैभवशाली क्षेत्र की प्राप्ति।

७. आरोग्य।

८. श्रद्धा।

९. ग्राहक—शिक्षक गुरु की प्राप्ति।

१०. उपयोग—स्वाध्याय आदि में जागरूकता।

११. अर्थ—धर्म विषयक जिज्ञासा।

२. मनुष्यत्व (माणुसत्तं)

मनुष्य जन्म की दुर्लभता को स्पष्ट करने के लिए दस दृष्टांत दिए गए हैं। उनका संक्षेप इस प्रकार है—

(१) चोल्लक—बारी-बारी से भोजन।

ब्रह्मदत्त का एक कार्पटिक सेवक था। उसने राजा को अनेक बार विपत्तियों से बचाया था। वह सदा उनका सहायक बना रहा। ब्रह्मदत्त राजा बन गया। पर इस बेचारे को कहीं आश्रय नहीं मिला। राजा से अब मिलना दुष्कर हो गया। बारह वर्ष बीत गए। अभिषेक का बारहवां वर्ष। कार्पटिक ने उपाय सोचा। वह ध्वजवाहकों के साथ चल पड़ा। राजा ने उसे पहचान लिया। राजा ने उसको अपने पास बुलाकर कहा—जो इच्छा हो वह मांगो। कार्पटिक बोला—राजन्! मैं पहले दिन आपके प्रासाद में भोजन करूं, फिर बारी-बारी से आपके समस्त राज्य के सभी संभ्रांत कुलों में भोजन प्राप्त कर, पुन: आपके प्रासाद में भोजन करूं—यह वरदान दें। राजा बोला—यह क्यों! तुम चाहो तो मैं तुम्हें गांव दे सकता हूं, धन दे सकता हूं। तुम्हें ऐसा बना सकता हूं कि तुम जीवन भर हाथी के होदे पर सुखपूर्वक घूमते रहो। कार्पटिक बोला—मुझे इन सब प्रपंचों से क्या! राजा ने तथास्तु कहा।

अब वह बारी-बारी से नगर के घरों में जीमने लगा। उस नगर में अनेक कुलकोटियां थीं। क्या वह अपने जीवन-काल में उस नगर के घरों का अन्त पा सकेगा? कभी नहीं। फिर संपूर्ण भारत वर्ष की बात ही क्या!

संभव है किसी उपाय या देवयोग से वह संपूर्ण भारतवर्ष के घरों का पार पा जाए, किन्तु मनुष्य जन्म को पुन: प्राप्त करना दुष्कर है।

(२) पाशक—एक व्यक्ति ने स्वर्ण अर्जित करने की एक युक्ति निकाली। उसने जुए का एक प्रकार निकाला और यंत्रमय पाशकों का निर्माण किया। एक व्यक्ति को दीनारों से भरा थाल देकर घोषणा करवाई कि जो मुझे इस जुए में जीत लेगा, मैं दीनारों से भरा थाल उसे दे दूंगा। यदि वह व्यक्ति मुझे नहीं जीत सका तो उसे एक दीनार देना होगा। यंत्रमय पाशक होने के कारण कोई उसे जीत न सका और धीरे-धीरे उसने स्वर्ण के अनेक दीनार अर्जित कर लिए।

कदाचित् कोई व्यक्ति उसको जीत भी ले, पर मनुष्य जन्म सहजता से प्राप्त नहीं कर सकता।

(३) धान्य—धान्य के विविध प्रकारों को मिश्रित कर ढेर लगा दिया। उसमें एक प्रस्थ सरसों के दाने मिला दिए।

एक वृद्धा उन सरसों के दानों को बीनने बैठी। क्या वह उस सरसों के दानों को पृथक् कर पाएगी? देवयोग से पृथक् कर भी ले, फिर भी जीव को पुन: मनुष्य जन्म मिलना दुष्कर है।

(४) द्यूत—राजसभा का मंडप एक सौ आठ स्तंभ पर आधृत था। राजकुमार का मन राज्य-लिप्सा से आक्रान्त हो गया। उसने राजा को मार डालना चाहा। अमात्य को इसका पता चला। उसने राजा से कहा—हमारे वंश की यह परम्परा है कि जो राजकुमार राज्य-प्राप्ति के अनुक्रम को सहन नहीं करता, उसे जुआ खेलना होता है और उस जुए में जीतने पर ही उसे राज्य प्राप्त हो सकता है। उसने पूछा—जीतने की शर्त क्या है? राजा ने कहा.....एक गांव तुम्हारा होगा, शेष हमारे। एक ही गांव में यदि तुम आठ सौ खेमों के एक-एक कोण को आठ सौ बार जीत लोगे तो तुम्हें राज्य सौंप दिया जाएगा।

जैसे यह दुर्लभ है, वैसे ही मनुष्य जन्म भी असंभव है।

(५) रत्‍न—एक वृद्ध वणिक् के पास अनेक रत्‍न थे। एक बार वृद्ध देशान्तर चला गया। पुत्रों ने सारे रत्‍न अन्यान्य व्यापारियों को बेच डाले। वृद्ध देशान्तर से आया और रत्‍नों के विक्रय की बात सुनकर चिन्तित हो गया। उसने पुत्रों से कहा—बेचे हुए रत्‍नों को पुन: एकत्रित करो। पुत्र सारे परेशान हो गए, क्योंकि उन्होंने सारे रत्‍न परदेशी व्यापारियों को बेच डाले थे। वे सारे व्यापारी दूर-दूर तक चले गए थे। उनसे रत्‍न एकत्रित करना असंभव था। वैसे ही मनुष्य जन्म पुन: प्राप्त होना दुर्लभ है।

(६) स्वप्‍न—एक कार्पटिक ने स्वप्‍न में देखा कि उसने पूर्ण चन्द्रमा को निगल लिया है। उसका फल स्वप्‍न-पाठकों से पूछा। उन्होंने कहा, बड़ा घर मिलेगा। उसे मिल गया। दूसरे कार्पटिक ने भी स्वप्‍न में सम्पूर्ण चन्द्र-मंडल को देखा। उसने स्वप्‍न पाठकों से इसका फल पूछा। वे बोले—तुम राजा बनोगे। उस देश का राजा सात दिन के बाद मर गया। अश्‍व की पूजा कर उसे गांव में छोड़ा। वह उसी व्यक्ति के पास जाकर हिनहिनाया। उसे पीठ पर बिठा राजमहल ले आया। वह राजा बन गया।

पहले कार्पटिक ने सोचा मैं भी ऐसा ही स्वप्‍न देखूं। वह दूध पीकर सो गया। क्या वैसा स्वप्‍न पुन: सुलभ हो सकता है? कभी नहीं। वैसे ही मनुष्य जन्म पुन: सुलभ नहीं होता।

(७) चक्र—इन्द्रदत्त इन्द्रपुर नगर का राजा था। उसके बाईस पुत्र थे। एक बार वह अमात्य-पुत्री में आसक्त हो उसके साथ एक रात रहा। वह गर्भवती हुई। उसने पुत्र का प्रसव किया। उसका नाम सुरेन्द्रदत्त रखा।

राजा के सभी बाईस पुत्र और सुरेन्द्रदत्त कलाचार्य के पास शिक्षा ग्रहण करने लगे। सुरेन्द्रदत्त विनीत और अचंचल था। उसने कलाचार्य से बहुत कुछ शिक्षा प्राप्त कर ली। शेष राजकुमार स्थिर नहीं थे। वे वैसे ही रह गए।

मथुरा के अधिपति जितशत्रु की पुत्री का नाम निर्वृति था। जब वह विवाह योग्य हुई, तब राजा के पूछने पर उसने कहा—पिताजी! जो राधावेध कर पाएगा, वही मेरा पति होगा।

स्वयंवर की घोषणा हुई। एक अक्ष पर आठ चक्र और उस पर एक पुतली स्थापित की गई। उसकी आंख को वींधने की शर्त रखी।

इन्द्रदत्त अपने पुत्रों के साथ वहां आया। सभी बाईस पुत्रों ने पुतली की आंख को वींधने का प्रयत्‍न किया, पर सब व्यर्थ। अन्त में अमात्य के कहने पर सुरेन्द्रदत्त आया। उसको स्खलित करने के अनेक प्रयत्‍न हुए, पर उसने पुतली की आंख को बींध डाला। लोगों ने जय-जयकार किया। उसे निर्वृति और राज्य प्राप्त हुआ शेष पराजित होकर अपने-अपने देश चले गए।

जैसे उस पुतली की आंख को बींधना कठिन था, वैसे ही मनुष्य जन्म दुष्कर है।

(८) चर्म—एक तालाब था। वह पानी से लबालब भरा हुआ था। पूरे तालाब पर शैवाल छाई हुई थी। एक कछुआ उसमें रहता था। एक बार उसने पानी में तैरते-तैरते एक स्थान पर शैवाल में छिद्र देखा। उसने छिद्र में से ऊपर देखा। आकाश में चांद चमक रहा था, तारे टिमटिमा रहे थे। कुछ क्षणों तक देखता रहा। फिर सोचा, परिवार के सभी सदस्यों को यहां लाकर यह मनोरम दृश्य दिखाऊं। वह तत्काल गया और पूरे परिवार के साथ लौट आया। हटी हुई शैवाल पुन: एकाकार हो गई थी। छिद्र नहीं मिला। सभी सदस्य निराश हो लौट गए। क्या पुन: वह कभी छिद्र को पा सकेगा? वैसे ही मनुष्य जन्म को पुन: पाना भी दुष्कर है।

(९) युग (जुआ)—एक अथाह समुद्र। समुद्र के एक छोर पर जुआ है और दूसरे छोर पर उसकी कील पड़ी है। उस कील का जुए के छिद्र में प्रवेश होना असंभव है, उसी प्रकार मनुष्य जन्म भी दुर्लभ है।

कील उस अथाह पानी में प्रवाहित हो गई। बहते-बहते संभव है वह इस छोर पर आकर जुए के छिद्र में प्रवेश कर ले, किन्तु मनुष्य जन्म से भ्रष्ट जीव पुन: मनुष्य जन्म नहीं पा सकता।

(१०) परमाणु—एक विशाल स्तंभ। एक देव उस स्तंभ का चूर्ण कर, एक नलिका में भर, मंदारपर्वत पर जाकर, उसे फूंक से बिखेर देता है। स्तंभ के वे सारे परमाणु इधर-उधर बिखर जाते हैं।

क्या दूसरा कोई भी व्यक्ति पुन: उन परमाणुओं को एकत्रित कर वैसा ही स्तंभ का निर्माण कर सकता है? कभी नहीं। वैसे ही एक बार मनुष्य जीवन को व्यर्थ खो देने पर, पुन: उसकी प्राप्ति दुष्कर होती है।

इन सारी कथाओं का मूल आधार है निर्युक्ति की गाथा।

चूर्णि में इन कथाओं के लिए 'चोल्लग पासग'—इतना मात्र उल्लेख प्राप्त होता है।

बृहद्वृत्ति ने इन दस कथाओं को संक्षेप में प्रस्तुत किया है।

सुखबोधा में ये कथाएं विस्तार से प्राप्त हैं। इनमें तथा बृहद्वृत्ति की कथाओं में भाषा और भाव का अन्तर भी स्पष्ट परिलक्षित होता है।

३. श्रुति (सुई)

धर्म के चार अंग हैं—मनुष्य जन्म, श्रुति—धर्म का श्रवण, श्रद्धा—धर्म के प्रति अभिरुचि और संयम में पराक्रम। ये चारों दुर्लभ हैं।

निर्युक्तिकार ने श्रुति की दुर्लभता के तेरह कारण बतलाए हैं—

१. आलस्य

२. मोह

३. अवज्ञा या अश्‍लाघा

४. अहंकार

५. क्रोध

६. प्रमाद

७. कृपणता

८. भय

९. शोक

१०. अज्ञान

११. व्याक्षेप

१२. कुतूहल

१३. क्रीड़ाप्रियता।

चूर्णिकार और बृहद्वृत्तिकार ने इन कारणों को समझाने का प्रयास किया है। वह इस प्रकार है—

मनुष्य आलस्य के वशीभूत होकर धर्म के प्रति उद्यम नहीं करता। वह कभी धर्माचार्य के पास धर्म-श्रवण करने के लिए नहीं जाता।

गृहस्थ के कर्त्तव्यों को निभाते-निभाते उसमें एक मूढ़ता या ममत्व पैदा हो जाता है। वह पूरा समय उसी में डूबा रहता है। उसमें हेय और उपादेय के विवेक का अभाव हो जाता है।

उसके मन में श्रमणों के प्रति अवज्ञाभाव पैदा हो जाता है। वह सोचता है, ये मुंड श्रमण क्या जानते हैं? मैं इनसे अधिक जानता हूं। ये मुनि कितने मैले कुचैले रहते हैं, इनमें कोई संस्कार नहीं है। ये प्राय: अपरिपक्‍व अवस्था के हैं, ये मुझे क्या धर्म देशना देंगे?

व्यक्ति के मन में जब जाति, कुल, रूप, ऐश्‍वर्य का अहंकार जाग जाता है तब वह सोचता है—ये मुनि अन्य जाति के हैं। मेरा कुल और जाति इतनी उत्तम है, फिर मैं इनके पास कैसे जाऊं?

किसी के मन में आचार्य या मुनि के प्रति प्रीति नहीं होती। वह उनको देखते ही कुपित हो जाता है। अप्रीति के कारण वह उनके पास जाने से हिचकिचाता है। कोई-कोई व्यक्ति में मोह की उदग्रता होती है। वह आचार्य या मुनि से सदा द्वेष रखता है। वह भी धर्म-श्रवण के लिए नहीं जा पाता।

कुछ व्यक्ति निरन्तर प्रमाद में रहते हैं, नींद लेना, खाना-पीना ही उन्हें सुहाता है। वे भी धर्म-श्रवण से वंचित रहते हैं।

कुछ व्यक्ति अत्यन्त कृपण होते हैं। वे सोचते हैं, यदि धर्मगुरुओं के पास जाएंगे तो अर्थ का निश्‍चित ही व्यय होगा। उनको कुछ देना-लेना पड़ेगा। इसलिए इनसे दूर रहना ही अच्छा है।

व्यक्ति जब धर्म प्रवचन में बार-बार नारकीय जीवों की वेदना की बात सुनता है, उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं और मन भय से व्याप्त हो जाता है। यह भय धर्म-श्रवण में बाधक बनता है।

शोक या चिन्ता भी धर्म-श्रवण में बाधक बनती है। पत्‍नी या पति का वियोग हो जाने पर निरन्तर उनकी स्मृति में खोए रहना भी एक अवरोध है।

जब व्यक्ति का ज्ञान मोहावृत हो जाता है, तब वह मिथ्या धारणाओं में फंस कर धर्म की श्रुति से वंचित रह जाता है।

गृहवास में व्यक्ति निरन्तर आकुल-व्याकुल रहता है। वह सोचता है, अभी वह करना है, अभी यह करना है। इससे उसका मन व्याक्षिप्त हो जाता है।

कुतूहल भी एक बाधा है। व्यक्ति कभी नाटक देखने में, कभी संगीत सुनने में या अन्यान्य मनोरंजन की क्रीड़ाओं में रत रहता है। वह धर्म के प्रति आकृष्ट नहीं हो सकता।

कुछ व्यक्ति सांडों को लड़ाने, तीतर और कुक्कटों को लड़ाने में रस लेते हैं। कुछ लोग जुआ खेलने में रत रहते हैं। वे धर्म-श्रुति का लाभ नहीं ले पाते।

४. श्रद्धा (सद्धा)

धर्मश्रुति के प्राप्त हो जाने पर भी उस पर पूर्ण श्रद्धा होना अति दुर्लभ है।

मिथ्यादृष्टि मनुष्य गुरु के द्वारा उपदिष्ट प्रवचन—आगम पर श्रद्धा नहीं करता। वह उपदिष्ट या अनुपदिष्ट असद्भाव पर श्रद्धा कर लेता है।

सम्यग्दृष्टि मनुष्य गुरु के द्वारा उपदिष्ट प्रवचन पर श्रद्धा करता है। उसके असद्भाव पर श्रद्धा करने के दो हेतु हैं—अज्ञान अथवा गुरु का नियोग—नियोजन। वह नहीं जानता कि यह तत्त्व ऐसा ही है, पर गुरु के नियोग से वह उस पर श्रद्धा कर लेता है।

प्रश्‍न होता है कि क्या सम्यग्दृष्टि व्यक्ति भी इतना ऋजु होता है कि गुरु के कथन-मात्र से असद्भाव के प्रति भी श्रद्धा कर लेता है? समाधान की भाषा में कहा गया—हां, ऐसा होता है। जमालि आदि निन्हवों के शिष्य अपने-अपने गुरु के प्रति पूर्ण भक्तिनत थे। वे स्वयं आगमों के रहस्यों के ज्ञाता थे। किन्तु गुरु पर विश्‍वास कर वे विपरीत अर्थ में भी श्रद्धान्वित हो गए।

वृत्तिकार ने यहां जमालि आदि सात निन्हवों की संक्षिप्त कथावस्तु और उनके दार्शनिक पक्ष का उल्लेख किया है।

ग्याहरवें श्‍लोक में इन चार दुर्लभ अंगों की प्राप्ति का परिणाम निर्दिष्ट है।

५. विविध गोत्रवाली जातियों में (नानागोत्तासु जाइसु)

चूर्णि में नानागोत्र का अर्थ हीन, मध्य और उत्तम आदि नाना प्रकार के गोत्र किया है। बृहद्वृत्तिकार ने इसका मुख्य अर्थ नाना नाम वाली जातियां और वैकल्पिक अर्थ हीन, मध्य और उत्तम भेद प्रधान गोत्रों में किया है।

चूर्णि के अनुसार जाति का अर्थ है—जन्म। शान्त्याचार्य ने इसका मुख्य अर्थ क्षत्रिय आदि जातियां और वैकल्पिक अर्थ जन्म किया है।

प्रस्तुत प्रसंग में जाति का अर्थ जन्म अधिक प्रासंगिक है।

६. समूचे विश्‍व का स्पर्श कर लेते हैं (विस्संभिया)

'विस्संभिया' पद में बिन्दु अलाक्षणिक है। इसका संस्कृत रूप है—विश्‍वभृत: और अर्थ है—बार-बार के जन्म-मरण से विश्‍व के कण-कण का स्पर्श करने वाले जीव। इसका संस्कृत रूप विश्रम्भित भी हो सकता है।

'विस्संभिया' शब्द के तात्पर्यार्थ को समझाने के लिए वृत्तिकार ने एक प्राचीन गाथा उद्धृत की है—

णत्थि किर को पएसो लोए वालग्गकोडिमित्तोऽपि।

जम्मण मरणावाहा जत्थ जिएहि स संपत्ता।।

केश के अग्रभाग जितना भाग भी लोक में ऐसा नहीं है जहां इस जीव ने जन्म-मरण न किया हो।

चूर्णि और वृत्ति में इसका वैकल्पिक अर्थ यह है—कर्म के दारुण विपाक को नहीं जानने के कारण जो जीव विश्रम्भ—संभ्रांति को प्राप्त हो जाते हैं।

७. (श्‍लोक ३)

प्रस्तुत श्‍लोक में 'देवलोक' तथा 'असुरकाय'—ये दो शब्द आए हैं। असुर भी देवताओं की एक जाति है। प्रश्‍न होता है कि फिर दो शब्दों का प्रयोग क्यों? इसका समाधान यह है—देवलोक शब्द सौधर्म आदि वैमानिक देवों की और असुर शब्द अधोलोक के देवों की अवस्थिति का बोधक है।

सुखबोधा वृत्ति में देवलोक, नरकलोक, असुरलोक और व्यन्तरलोक में उत्पन्न होने योग्य कर्मों के बन्धन के कारणों की चर्चा चार श्‍लोकों में की है। वे कारण ये हैं—

देव-आयुष्य बन्धकर्त्ता—१. सराग तप:संयम का पालन करने वाला २. अणुव्रतधर ३. दान्त ४. अज्ञान तप में आसक्त।

नरक-आयुष्य का बन्धकर्त्ता—१. हिंसा में रत २. क्रूर ३. महान् आरम्भ और महान् परिग्रह में रत ४. मिथ्यादृष्टि ५. महान् पापी।

असुर-आयुष्य का बन्धकर्त्ता—१. अज्ञान तप में प्रतिबद्ध २. प्रबल क्रोध करने वाला ३. तप का अहं करने वाला ४. वैर में प्रतिबद्ध।

व्यन्तर-आयुष्य का बन्धकर्त्ता—१. फांसी पर लटककर आत्महत्या करने वाला २. विषभक्षण करने वाला ३. अग्‍निदाह में जल कर मरने वाला ४. जल में डूब मरने वाला ५. भूख और प्यास से क्लान्त होने वाला।

८. (खत्तिओ, चंडाल बोक्कसो)

इस श्‍लोक में आए हुए तीन शब्द—क्षत्रिय, चाण्डाल और बुक्कस—संग्राहक हैं। क्षत्रिय शब्द से वैश्य, ब्राह्मण आदि उत्तम जातियों, चाण्डाल शब्द से निषाद, श्‍वपच आदि नीच जातियों और बुक्कस शब्द से सूत, वैदेह, आयोगव आदि संकीर्ण जातियों का ग्रहण किया गया है।

जैन और बौद्ध परम्परा में क्षत्रिय का स्थान सर्वोच्च रहा है। सुखबोधा वृत्ति में क्षत्रिय का अर्थ राजा किया है। कल्प-सूत्र में ब्राह्मण की गिनती भिक्षुक या तुच्छ-कुल में की है। तीर्थंकर, चक्रवर्ती, बलदेव, वासुदेव आदि शलाका-पुरुष ब्राह्मण-कुल में उत्पन्न नहीं होते। दीर्घनिकाय और निदान-कथा के अनुसार क्षत्रियों का स्थान ब्राह्मणों से ऊंचा है।

चण्डाल—शब्द के दो अर्थ किए गए हैं—(१) मातंग और (२) शूद्र से ब्राह्मण स्त्री में उत्पन्न व्यक्ति। उत्तरवर्ती वैदिक साहित्य के अनुसार चण्डाल अनार्य वर्ग की एक जाति है। वह ऋग्वेद के समय के पश्‍चात् आर्यों को गंगा के पूरब में मिली थी।

मनुस्मृति (१०।५१, ५२) में चण्डाल के कर्त्तव्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा है—

चण्डालश्‍वपचानां तु बहिर्ग्रामात् प्रतिश्रय:।

अपपात्राश्‍च कर्तव्या धनमेषां श्‍वगर्दभम्।।

वासांसि मृतचेलानि भिन्नाभाण्डेषु भोजनम्।

कार्ष्णायसमलंकारा: परिवर्ज्या च नित्यश:।।

वोक्कसो—इसके संस्कृत रूप चार मिलते हैं—बुक्कस, पुष्कस, पुक्कस और पुल्कस।

बुक्कस—श्मशान पर काम करने वाले बुक्कस कहलाते हैं।

पुष्कस—जो मरे हुए कुत्तों को उठाकर बाहर फेंकते हैं, उन्हें पुष्कस कहा जाता है।

पुक्कस—चाण्डाल और पुक्कस—पर्यायवाची भी माने गए हैं।

पुल्कस—भंगी।

मनुस्मृति में विभिन्न वर्णों के कार्यों का विवरण दिया गया है। उसके अनुसार 'पुक्कस' का कार्य बिलों में रहने वाले गोह आदि को मारना या बांधना है। अभिधानप्पदीपिका में 'पुक्कस' का अर्थ तोड़ने वाला किया गया है।

चूर्णिकार और टीकाकार इसका अर्थ 'वर्णान्तरजन्मा' करते र्हैं। जैसे—ब्राह्मण से शूद्र स्त्री में उत्पन्न प्राणी निषाद, ब्राह्मण से वैश्य स्त्री से उत्पन्न प्राणी अम्बष्ठ और निषाद से अम्बष्ठ स्त्री से उत्पन्न प्राणी बोक्कस कहलाता है। कौटिल्य अर्थशास्त्र और मनुस्मृति में इनसे भिन्न मत का उल्लेख है। मनुस्मृति में बताया गया है कि ब्राह्मण से वैश्य कन्या से उत्पन्न अम्बष्ठ और ब्राह्मण से शूद्र कन्या से उत्पन्न निषाद कहलाता है। इसको पारशव भी कहते हैं। कौटिल्य अर्थशास्त्र (पृष्ठ १६५, १६९) में 'पुक्कस' का अर्थ निषाद से उग्री में उत्पन्न पुत्र और मनुस्मृति में निषाद से शूद्र में उत्पन्न पुत्र किया गया है। महाभारत में चाण्डाल और पुल्कस का एक साथ प्रयोग मिलता है। 'पुल्कस' का प्राकृत 'बुक्कस' हो सकता है। पुल्कस और चाण्डाल अर्थात् भंगी और चाण्डाल।

९. (सव्वट्ठेसु व खत्तिया)

सर्वार्थ शब्द के दो अर्थ किए जा सकते हैं—सर्व प्रयोजन और सर्व विषय। जिस प्रकार कोई क्षत्रिय प्रयोजन उपस्थित होने पर पराजय स्वीकार नहीं करता, खिन्न नहीं होता, उसी प्रकार कर्म से कलुषित व्यक्ति संसार-भ्रमण से खिन्न नहीं होता।

व्याख्याकारों ने दूसरे अर्थ (सर्व विषय) का विस्तार किया है। वह इस प्रकार है—राजाओं के पास समस्त प्रकार की सुख-सामग्री और कामभोगों को उत्तेजित करने वाले पदार्थ उपलब्ध रहते हैं। इन्द्रिय-विषयों का उपभोग करते हुए भी वे कभी तृप्त नहीं होते। उनकी तृष्णा बढ़ती है, साथ-साथ प्रताप भी बढ़ता है और वे सर्वत्र प्रसिद्ध हो जाते हैं। वे शारीरिक और मानसिक दु:खों को भोगते हुए भी उन कामभोगों से कभी विरक्त नहीं होते। वे और अधिक अनुरक्त होते जाते हैं। वे जन्म-मरण के आवर्त से छुटकारा नहीं पा सकते।

वैसे ही अधर्म में रत व्यक्ति जन्म-मरण के चक्र से मुक्त नहीं हो सकते।

१०. कर्म-किल्विष (कम्मकिब्बिसा)

कर्मों से मलिन अथवा जिनके कर्म मलिन हों, वे कर्म-किल्विष कहलाते हैं। कर्म दो प्रकार के होते हैं—शुभानुबन्धी और अशुभानुबन्धी। जिनके अशुभानुबन्धी कर्म होते हैं वे 'कर्म-किल्विष' होते हैं।

११. योनिचक्र में (आवट्टजोणीसु)

जीवों के उत्पत्ति स्थान को 'योनि' कहते हैं। वे ८४ लाख हैं। अनादिकाल से जीव इन योनियों में जन्म-मरण करता रहा है। जन्म-मरण का यह आवर्त्त है।

१२. (श्‍लोक ७)

गति के चार प्रकार हैं—१. नरकगति, २. तिर्यंचगति, ३. मनुष्यगति और ४. देवगति। तिर्यंच और नरकगति के योग्य कर्म मनुष्यगति की प्राप्ति के प्रतिबन्धक होते हैं। उनके अस्तित्व-काल में जीव मनुष्यगति को प्राप्त नहीं होता। 'आनुपूर्वी' नामकर्म की एक प्रकृति है। मनुष्य-आनुपूर्वी नामकर्म का उदय होने पर जीव मनुष्य गति में आता है। निष्कर्ष यह है कि मनुष्यगति के बाधक कर्मों का नाश तथा मनुष्य-आनुपूर्वी नामकर्म का उदय होने पर जीव को मनुष्यगति में आने की शुद्धि प्राप्त होती है। उसी अवस्था में वह मनुष्य बनता है।

१३. तप, सहिष्णुता और अहिंसा को (तवं खंतियमहिंसयं)

इस चरण में 'तव' के द्वारा तपस्या के बारह भेदों, 'खंति' के द्वारा दस-विध श्रमण-धर्म और 'अहिंसा' द्वारा पांच महाव्रतों का ग्रहण किया गया है, ऐसा सभी व्याख्याकारों का मत है। शान्ति का अर्थ है—सहिष्णुता, क्षमा। वृत्तिकार ने इसका अर्थ क्रोध-जय किया है। उनतीसवें अध्ययन में शान्ति को क्रोध-विजय का परिणाम बतलाया है। शान्ति से परीषहों को जीतने की क्षमता प्राप्त होती है।

१४. श्रद्धा (सद्धा)

बृहद्वृत्ति के अनुसार श्रद्धा का अर्थ है—धर्म के प्रति रुचि या धर्म करने की अभिलाषा। निरुक्त में श्रत् का अर्थ सत्य और वह जिस बुद्धि में धारण किया जाता है, उसका नाम है श्रद्धा।

इन विचार-सूत्रों के आधार पर श्रद्धा का अर्थ सत्योन्मुखी अभिरुचि किया जा सकता है।

१५. मोक्ष की ओर ले जाने वाले (नेआउयं)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ ले जाने वाला किया है। टीका में इसका अर्थ न्यायोपपन्न किया गया है। डॉ. ल्यूमेन ने औपपातिक सूत्र में तथा डॉ. पिशल, डॉ. हरमन जेकोबी आदि ने इसका अर्थ न्यायोपपन्न किया है।

बौद्ध साहित्य में नैर्यानिक का अर्थ दु:खक्षय की ओर ले जाने वाला, पार ले जाने वाला किया गया है। चूर्णिकार के अर्थ का इससे निकट का सम्बन्ध है। इस अर्थ के आधार पर 'नेआउय' का संस्कृत रूप नैर्यातृक होना चाहिए। नैर्यातृक के प्राकृत रूप 'नेआइय' और 'नेआउय' दोनों बन सकते हैं। सूत्रकृतांग चूर्णि में ये दोनों रूप प्रयुक्त हुए हैं। वहां इनका अर्थ मोक्ष की ओर ले जाने वाला किया गया है।

१६. बहुत लोग....उससे भ्रष्ट हो जाते हैं (बहवे परिभस्सई)

इस पद में चूर्णिकार और शान्त्याचार्य ने जमाली आदि निह्नवों का उल्लेख किया है। ये सभी निह्नव कुछ एक शंकाओं को लेकर नैर्यातृकमार्ग—निर्ग्रंथ प्रवचन से भ्रष्ट हो गए थे, दूर हो गए थे।

नेमिचन्द्र ने सातों निह्नवों का विवरण उद्धृत किया है। वह आवश्यक निर्युक्ति में भी है। डॉ. ल्यूमेन ने Indischen Studien, vol. XXII, pp. 91-135 में निह्नवों का विवरण सुन्दर ढंग से प्रस्तुत किया है। डॉ. हरमन जेकोबी ने अपने अन्वेषणात्मक निबन्ध—'श्‍वेताम्बर और दिगम्बर सम्प्रदाय की उत्पत्ति' में भी इस विवरण का उपयोग किया है।

१७. (श्‍लोक ११)

यह श्‍लोक प्रथम श्‍लोक का निगमन प्रस्तुत करता है। प्रथम श्‍लोक का प्रतिपाद्य है कि चार परम अंग हैं और उनकी प्राप्ति अत्यन्त दुर्लभ है। इस श्‍लोक में इन चार परम अंगों की प्राप्ति का परिणाम निर्दिष्ट है। जिसे चतुरंग की प्राप्ति हो जाती है वह पूर्व संचित कर्मरजों को विनष्ट कर आत्मा को विशुद्ध बना लेता है। इस प्रकार चतुरंग का सिद्धांत आध्यात्मिक विकास की एक प्रायोगिक भूमिका का निर्देश है।

१८. (सोही उज्जुयभूयस्स)

ऋजुता शुद्धि का घटक तत्त्व है। निर्जरा हमारे प्रत्यक्ष नहीं है। शुद्धि व्यवहार में प्रत्यक्ष हो जाती है। शुद्धि और ऋजुता—दोनों में घनिष्ट सम्बन्ध है। ऋजुता का एक प्रकार है—अविसंवादन अर्थात् कथनी और करनी में संवादिता। अविसंवादिता आने पर ही जीवन में धर्म की आराधना होती है। उनतीसवें अध्ययन में इसका स्पष्ट उल्लेख है—

गौतम ने पूछा—ऋजुता से जीव क्या प्राप्त करता है?

भगवान् बोले—ऋजुता से वह काया, मन और भाषा-वाणी की सरलता और अविसंवादन वृत्ति को प्राप्त होता है। अविसंवादन वृत्ति से सम्पन्न जीव धर्म का आराधक होता है।

माया एक शल्य है। उसकी विद्यमानता में व्रत या धर्म की प्राप्ति नहीं होती। उमास्वाति ने इसी आशय से लिखा है—व्रती या धार्मिक वही व्यक्ति होता है जो नि:शल्य हो जाता है।

ऋजु शब्द के दो अर्थ हैं—सरल और मोक्ष। चूर्णि में ऋजुभूत का अर्थ है—सरलता के गुण से युक्त और बृहद्वृत्ति में इसका अर्थ है—चतुरंग की प्राप्ति से मुक्ति के प्रति प्रस्थित।

१९. (निव्वाणं...घयसित्तव्व पावए)

चूर्णि में निर्वाण का अर्थ मुक्ति है। शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—(१) स्वास्थ्य और (२) जीवनमुक्ति। स्वास्थ्य का अर्थ है अपने आपमें अवस्थिति, आत्म-रमण। जिस व्यक्ति का जीवन धर्मानुगत होता है उसमें आत्म-रमण की स्थिति सहज हो जाती है। यही सही अर्थ में स्वास्थ्य है। आत्म-रमण की अवस्था सहजानन्द की अवस्था है। उसमें सुख निरन्तर बढ़ता रहता है। जैन आगम के अनुसार एक मास की पर्याय वाला श्रमण व्यन्तर देवों की तेजोलेश्या का अतिक्रमण कर जाता है। स्वस्थ श्रमण चक्रवर्ती के सुखों को भी लांघ जाता है। यह परम-सुख की अनुभूति आत्म-सापेक्ष होती है। यही स्वास्थ्य या निर्वाण है। जीवनमुक्ति का अर्थ है इसी जीवन में मुक्ति।

शान्त्याचार्य ने यहां 'प्रशमरति' का एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

निर्जितमदमदनानां, वाक्कायमनोविकाररहितानाम्।

विनिवृत्तपराशानामिहैव मोक्ष: सुविहितानाम्।।२३८।।

नेमिचन्द्र ने निर्वाण शब्द का अर्थ जीवनमुक्ति किया है और मुनि-सुख की अर्घ्यता को लक्ष्य कर एक दूसरा श्‍लोक भी उद्धृत किया है।—

तणसंथारनिवन्नो वि, मुणिवरो भट्टारायमयमोहो।

जं पावइ मुत्तिसुहं, कत्तो तं चक्कवट्टी वि।।

नागार्जुनीय परम्परा में यह श्‍लोक भिन्न रूप से मिलता है, ऐसा चूर्णिकार और शान्त्याचार्य ने उल्लेख किया है—

चउद्धा संपयं लद्धुं इहेव ताव भायते।

तेयते तेजसंपन्ने, घयसित्तेव पावए।।

पलाल, उपला आदि के द्वारा अग्‍नि उतनी दीप्त नहीं होती जितनी कि वह घृत के सिंचन से होती है, इसलिए यहां घयसित्तव्व पावए—घृत सिंचन की उपमा को प्रधानता दी है।

यहां निर्वाण की तुलना घृत-सिक्त अग्‍नि से की गई है। घृत से अग्‍नि प्रज्वलित होती है, बुझती नहीं, इसलिए निर्वाण का अर्थ 'मुक्ति' की अपेक्षा 'दीप्ति' अधिक उपयुक्त है। मुक्ति, स्वास्थ्य या जीवनमुक्ति—ये सभी चेतना की प्रज्वलित—तेजोमय अवस्था के नाम हैं। इस दृष्टि को सामने रखकर निर्वाण का इनमें से कोई भी अर्थ किया जा सकता है। किन्तु उसका अर्थ 'बुझना' उपमा के साथ सामंजस्य नहीं रखता।

२०. कर्म के हेतु को (कम्मणो हेउं)

कर्म बन्ध के दो मुख्य हेतु हैं—राग और द्वेष। अथवा कर्मबन्ध का कारण है—आश्रव। वह पांच प्रकार का है—

मिथ्यात्व आश्रव, अव्रत आश्रव, प्रमाद आश्रव, कषाय आश्रव और योग आश्रव।

२१. दूर कर (विगिंच)

चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—

१. विचृङ् पृथग्भागे—पृथक्-पृथक् करना।

२. छोड़ना त्यागना।

२२. पार्थिव शरीर को (पाढवं सरीरं)

बृहद्वृत्तिकार ने 'पाढवं' की व्याख्या इस प्रकार की है—जो पृथ्वी के तुल्य है वह पार्थिव है। पृथ्वी का एक नाम है—सर्वंसहा। वह सब कुछ सहन करती है। मनुष्य का शरीर सब कुछ सहन करता है, सुख-दु:ख में सम रहता है। सहिष्णुता की समानता के आधार पर शरीर को भी पार्थिव कहा गया है।

इसका दूसरा अर्थ शैल या पर्वत किया जाता है। मनुष्य पर्वत की भांति अति निश्‍चल अवस्था को प्राप्त होता है, इसलिए उसके शरीर को पार्थिव कहा गया है।

वृत्तिकार के ये दोनों अर्थ पार्थिव शब्द से बहुत दूर का संबंध स्थापित करते हैं।

सूत्रकृतांग की चूर्णि के अनुसार पांच भूतों में पृथ्वी को मुख्य मानकर शरीर को पार्थिव कहा गया है। शरीर में कठोर भाग पृथ्वी, द्रव भाग अप्, उष्णता तेजस्, उच्छ्वास-नि:श्‍वास वायु और शुषिर भाग आकाश है।

आयुर्वेद में शरीर को पार्थिव कहने का जो कारण बतलाया है, वह बहुत स्पष्ट है। संभावना की जा सकती है कि पार्थिव शब्द आयुर्वेद की परम्परा से ही संगृहीत है।

'गंध, घ्राणेन्द्रिय तथा शरीर के अन्तर्गत समस्त कठिन अवयव, गुरुत्व (भारीपन तथा पोषण), स्थिरता—ये कार्य शरीर में पृथिवी महाभूत के हैं......पृथिवी लोक पर पाए जाने वाले मनुष्य आदि के शरीर पार्थिव शरीर कहे जाते हैं।'

'शरीरशास्त्री कहते हैं कि शरीर का ७० प्रतिशत भाग (लगभग २/३) जल ही से बना है। अस्थि सदृश कठिन धातु का भी अर्धांश जल ही होता है। शेष घन द्रव्य आयुर्वेद मत से पृथिवी-विकार हैं। इसका (शरीर का) मुख्य उपादान (समवायि) कारण पृथ्वी ही शेष रहता है। इसी से दर्शनों में इस शरीर को पार्थिव कहा जाता है।'

२३. (श्‍लोक १३)

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रथम दो चरणों में मध्य पुरुष की क्रिया है और अन्तिम चरण में प्रथम पुरुष की। इससे जान पड़ता है कि प्रथम दो चरणों में उपदेश है और अन्तिम दो चरणों में सामान्य निरूपण है।

शान्त्याचार्य के अनुसार अन्तिम दो चरणों की व्याख्या इस प्रकार है—'ऐसा करने वाला पार्थिव शरीर को छोड़कर ऊर्ध्वदिशा (स्वर्ग या मोक्ष) को प्राप्त होता है, इस अर्थ के आगे इतना और जोड़ देना चाहिए'—इसलिए तू भी ऐसा कर।

२४. देव (जक्खा)

यक्ष शब्द 'यज्' धातु से बना है। इसके दो निरुक्त हैं—(१) इज्यन्ते पूज्यन्ते इति यक्षा:—जो पूजे जाते हैं वे यक्ष—देव हैं। (२) यान्ति वा तथाविधर्द्धिसमुदयेऽपि क्षयमिति यक्षा:—जो अनेक ऋद्धियों से संपन्न होने पर भी अपनी अवस्थिति से च्युत होते हैं, वे यक्ष हैं।

पहले इसका अर्थ देव था। उत्तरवर्ती साहित्य में इसके अर्थ का अपकर्ष हुआ और यह शब्द निम्‍न कोटि की देवजाति के लिए व्यवहृत होने लगा।

२५. महाशुक्ल (महासुक्का)

चन्द्र, सूर्य आदि अतिशय उज्ज्वल प्रभा वाले होते हैं इसलिए उन्हें महाशुक्ल कहा गया है। 'सुक्क' का संस्कृत रूप शुक्त भी हो सकता है। उसका अर्थ अग्‍नि भी है। यह मान लेने पर इसका अर्थ होगा—महान् अग्‍नि।

२६. (श्‍लोक १४)

सभी देव समान शील वाले नहीं होते। उनके तप, नियम और संयम-स्थान समान नहीं होते। व्यक्ति अपने पूर्वजन्म में जिस प्रकार से शील-संयम का पालन करता है, उसी के अनुरूप वह देवगति को प्राप्त करता है। सभी देवताओं की सम्पदा एक सी नहीं होती। पहले देवलोक से दूसरे की और दूसरे से तीसरे की सम्पदा अधिक होती है। इसी प्रकार यह सम्पदा उत्तरोत्तर बढ़ती जाती है। इसका कारण है—'जहा जहा णं तेसिं देवाणं तव-नियम-बंभचेराणि ऊसितानि भवंति, जस्स जारिसं सीलमासि तारिसो जक्खो भवति।'

विसालिसेहिं—यह मागधदेशी भाषा का शब्द है। इसका संस्कृत रूप है—विसदृशै:।

२७. इच्छानुसार रूप बनाने में समर्थ होते हैं (कामरूव विउव्विणो)

कामरूव विउव्विणो का अर्थ है—इच्छानुसार रूप करने में समर्थ, आठ प्रकार के ऐश्‍वर्य से युक्त। तत्त्वार्थवार्तिक में एक साथ अनेक आकार वाले रूप-निर्माण की शक्ति को कामरूपीत्व कहा है। चूर्णिकार ने इसका संस्कृत रूप 'कामरूपविकुर्विण:' और शान्त्याचार्य तथा नेमिचन्द्र ने 'कामरूपविकरणा:' दिया है। 'विकुर्विण:' प्राकृत का ही अनुकरण है।

२८. सैंकड़ों पूर्ववर्षों तक-असंख्य काल तक (पुव्वा वाससया बहू)

८४ लाख को ८४ लाख से गुणन करने पर जो संख्या प्राप्त होती है उसे पूर्व कहा जाता है। सत्तर लाख छप्पन हजार करोड़ वर्षों—७०५६०००००००००—को पूर्व कहा गया है। बहु अर्थात् असंख्य। असंख्य पूर्व या असंख्य सौ वर्षों तक। इसका तात्पर्य है पल्योपम के असंख्यातवें भाग तक। देवों की कम से कम इतनी स्थिति तो होती ही है। मुनि पूर्वजीवी या शतवर्षजीवी होते हैं इसलिए उन्हीं के द्वारा उनका माप बतलाया गया है।

२९. (श्‍लोक १६-१८)

सोलहवें श्‍लोक में कहा गया है कि वे देव मनुष्य योनि में दस अंगों वाली भोग-सामग्री से युक्त होते हैं। वे दस अंग इस प्रकार हैं—

(१) चार कामस्कन्ध।

(२) मित्रवान्।

(३) ज्ञातिमान्।

(४) उच्चगोत्र।

(५) वर्णवान्।

(६) नीरोग।

(७) महाप्रज्ञ।

(८) विनीत।

(९) यशस्वी।

(१०) सामर्थ्यवान्।

चार कामस्कन्धों का निरूपण सतरहवें श्‍लोक में और शेष नौ अंगों का उल्लेख अट्ठारहवें श्‍लोक में है।

चत्तारि कामखंधाणी—'काम-स्कन्ध' का अर्थ है—मनोज्ञ शब्दादि के हेतुभूत पुद्गल समूह अथवा विलास के हेतुभूत पुद्गल समूह। वे चार हैं—(१) क्षेत्र-वास्तु, (२) हिरण्य, (३) पशु, (४) दास-पौरुष।

क्षेत्र शब्द 'क्षि' धातु से बना है। उस धातु के दो अर्थ हैं—निवास और गति। जिसमें रहा जाए उसको क्षेत्र कहा जाता है। इस व्युत्पत्ति के अनुसार ग्राम, आराम आदि क्षेत्र कहलाते हैं। जहां अनाज उत्पन्न होता है, वह भी क्षेत्र कहलाता है। उसके तीन प्रकार हैं—

(१) सेतुक्षेत्र—जहां फसल सिंचाई से होती है।

(२) केतुक्षेत्र—जहां फसल वर्षा से होती है।

(३) सेतुकेतुक्षेत्र—जहां ईख आदि सिंचाई और वर्षा—दोनों से उत्पन्न होते हैं।

वास्तु का अर्थ है—अगार-गृह। चूर्णिकार ने उसके तीन भेद किए हैं

(१) सेतुवास्तु, (२) केतुवास्तु, (३) सेतुकेतुवास्तु।

अथवा

(१) खात, (२) उच्छ्रित, (३) खातोच्छ्रित।

उनकी व्याख्या के अनुसार—भूमिगृह को सेतु, ऊंचे प्रासाद को केतु और उभयगृह (भूमिगृह के ऊपर के प्रासाद) को सेतु-केतु कहा जाता है। यही अर्थ खात, उच्छ्रित और खातोच्छ्रित का है।

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने दूसरे विकल्प का उल्लेख किया है। अर्थ में तीनों एक मत हैं।

पौरुष का अर्थ है—कर्मकर और दास का अर्थ है—खरीदा हुआ और मालिक की सम्पत्ति समझा जाने वाला व्यक्ति—गुलाम। उसके जीवन पर स्वामी का पूर्ण अधिकार होता था। अपनी जन्म-जात दास्य-स्थिति को बदलना उसके वश में नहीं होता था और न वह सम्पत्ति का स्वामी हो सकता था। दास और नौकर-चाकर में यही अन्तर है कि नौकर-चाकर पर स्वामी का पूर्ण अधिकार नहीं होता, वह स्वामी की सम्पत्ति नहीं समझा जाता और वह अनिश्‍चित काल के लिए वेतन पर रखा जाता है।

निशीथ चूर्णि में छह प्रकार के दास बतलाए गए हैं—

(१) परम्परागत।

(२) खरीदकर बनाया हुआ।

(३) कर्ज न चुकाने पर निगृहीत किया हुआ।

(४) दुर्भिक्ष आदि होने पर भोजन आदि के लिए जिसने दासत्व ग्रहण किया हो।

(५) किसी अपराध के कारण जुर्माना न देने पर राजा द्वारा जो दास बनाया गया हो।

(६) बन्दी बनाकर जो दास बनाया गया हो।

मनुस्मृति में सात प्रकार के दास बतलाए गए हैं—

(१) ध्वजाहृतदास—संग्राम में पराजित दास।

(२) भक्तदास—भोजन आदि के लिए दास बना हुआ।

(३) गृहजदास—अपनी दासी से उत्पन्न दास।

(४) क्रीतदास—खरीदा हुआ दास।

(५) दत्रिमदास—किसी द्वारा दिया हुआ दास।

(६) पैतृकदास—पैतृक धन रूप में प्राप्त दास।

(७) दण्डदास—ऋण निर्यातन के लिए बना हुआ दास।

मनुस्मृति में यह भी कहा गया है कि दास 'अधन' होते हैं। वे जो धन एकत्रित करते हैं वह उनका हो जाता है जिनके वे दास हैं।

निशीथ-चूर्णि और मनुस्मृति की दास-सूची सदृश है। मनुस्मृति में केवल दत्रिम दास का विशेष उल्लेख हुआ है।

याज्ञवल्क्यस्मृति के टीकाकार विज्ञानेश्‍वर ने पन्द्रह प्रकार के दास बतलाए हैं। उनमें मनुस्मृति में कथित प्रकार तो हैं ही, साथ में जुए में जीते हुए, अपने आप मिले हुए, दुर्भिक्ष के समय बचाए हुए आदि-आदि अधिक हैं।

सूत्रकार ने 'दास-पौरुष' को कामस्कन्ध—धन-सम्पत्ति माना है। दास-पौरुष शब्द से यह पता चलता है कि उस समय 'दास-प्रथा' बहुत प्रचलित थी। टीकाकारों ने दास का अर्थ पोष्य या प्रेष्य वर्ग और पौरुषेय का अर्थ पदाति समूह किया है।

अंग्रेजी में भी दो शब्द हैं। Slave और Servant। ये दोनों दास और नौकर के पर्यायवाची हैं।

जैन-साहित्य के अनुसार बाह्य-परिग्रह के दस भेद हैं। उनमें 'दुप्पय' अर्थात् दो पैर वाले दास-दासियों को भी बाह्य-परिग्रह माना गया है।

कौटिलीय अर्थशास्त्र में गुलाम के लिए 'दास' और नौकर के लिए 'कर्मकर' शब्दों का व्यवहार किया गया है। इसमें दासकर्मकरकल्प नाम का एक अध्याय है।

अनगारधर्मामृत की टीका में पण्डित आशाधरजी ने 'दास' शब्द का अर्थ—खरीदा हुआ कर्मकर किया है।

आजकल लोगों की धारणा है कि 'दास' शब्द का अर्थ क्रूर और जंगली लोग है। पर 'दास' शब्द का मूल अर्थ यह नहीं जान पड़ता। दास का अर्थ दाता (जिसे अंग्रेजी में Noble कहते हैं) रहा होगा। ऋग्वेद की कई ऋचाओं से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि 'सप्त-सिन्धु' पर दासों का आधिपत्य था। जान पड़ता है कि दास लोग राजपूतों की तरह शूर थे। नमूचि, शंबर आदि दास बड़े शूरवीर थे।

इस आर्यपूर्व जाति पर आधुनिक अनुसन्धाताओं ने बहुत प्रकाश डाला है।

३०. संपूर्ण बोधि का (केवलं बोहि)

बोधि शब्द 'बुध्' धातु से निष्पन्न है। इसका अर्थ है—ज्ञान का विवेक। अध्यात्म के अर्थ में इसका अर्थ है—आत्मबोध। यही मोक्षमार्ग का बोध है। बोधि और ज्ञान एक नहीं हैं। सामान्य ज्ञान के लिए बोधि का प्रयोग नहीं हो सकता। ज्ञान पुस्तकीय तथ्यों के आधार पर होने वाली अवगति है। बोधि आन्तरिक विशुद्धि से स्वयं प्रस्फुटित होने वाला ज्ञान है। इसे अतीन्द्रिय ज्ञान या विशिष्ट ज्ञान भी कहा जा सकता है। दूसरे शब्दों में कहें तो ज्ञान, दर्शन और चारित्र की सम्यग् युति बोधि है। 'असोच्चा केवली' इसके स्फुट निदर्शन हैं। उनमें आन्तरिक विशुद्धि से प्रज्ञा का इतना जागरण हो जाता है कि वे केवली बन जाते हैं। संपूर्ण ज्ञान के धनी बन जाते हैं।

स्थानांग सूत्र में तीन प्रकार की बोधि का उल्लेख है—ज्ञानबोधि, दर्शनबोधि और चारित्रबोधि। वृत्तिकार ने यहां 'बोधि' का अर्थ सम्यग्बोध किया है।

सूत्रकृतांग २/७३ में 'णो सुलभं च बोहिं च आहियं'—में प्रयुक्त बोधि शब्द का अर्थ वृत्तिकार ने सम्यग् दर्शन की प्राप्ति किया है।

आचार्य कुन्दकुन्द ने बोधि की परिभाषा इस प्रकार की है—जिस उपाय से सद्ज्ञान उत्पन्न होता है, उस उपाय—चिन्ता का नाम बोधि है।

इन सभी संदर्भों में 'बोधि' का अर्थ है—सम्यग्दर्शन। मोक्ष प्राप्ति का पहला सोपान है—सम्यग्दर्शन और उसके पश्‍चात् है संयम की साधना और उसकी फलश्रुति है मोक्ष।

बोधि या संबोधि का अर्थ केवलज्ञान भी होता है। परन्तु प्रस्तुत प्रसंग में वह अभिप्रेत नहीं है।

बृहद्वृत्तिकार ने केवल का अर्थ—अकलंकित विशुद्ध और बोधि का अर्थ—जिनप्रणीत धर्म की प्राप्ति किया है। नेमिचन्द्र ने भी यही अर्थ किया है।

विशेष विवरण के लिए देखें—ठाणं ३/१७६ का टिप्पण।

३१. बचे हुए कर्मों को....धुनकर (धुयकम्मंसे)

कम्मंस—यह कर्मशास्त्र का पारिभाषिक शब्द है। यह सत्कर्म या विद्यमान कर्म के अर्थ में रूढ़ है। केवली के चार भवोपग्राही कर्म—वेदनीय, नाम, गोत्र और आयुष्य—शेष रहते हैं। जीवन के अन्तिम काल में उन्हें क्षीण कर वह मुक्त हो जाता है।

शान्त्याचार्य ने इसका मुख्य अर्थ सत्कर्म और विकल्प में अंश का अर्थ 'भाग' किया है। नेमिचन्द्र ने भी अंश का यही अर्थ किया है। इसके अनुसार 'धुतकम्मंस' का अर्थ होगा—जो सर्व कर्मों के भाग का अपनयन कर चुका।

♦

चौथा अध्ययन : असंस्कृत

04

चौथा अध्ययन : असंस्कृत

आमुख

इस अध्ययन का नाम निर्युक्ति के अनुसार 'प्रमादाप्रमाद' और समवायाङ्ग के अनुसार 'असंस्कृत' (प्रा. असंखयं) है।निर्युक्तिकार का नामकरण अध्ययन में वर्णित विषय के आधार पर है और समवायाङ्ग का नामकरण आदानपद (प्रथमपद) के आधार पर है। इसका समर्थन अनुयोगद्वार से भी होता है।

'जीवन असंस्कृत है—उसका संधान नहीं किया जा सकता, इसलिए व्यक्ति को प्रमाद नहीं करना चाहिए'—यही इस अध्ययन का प्रतिपाद्य है। जिन व्यक्तियों का जीवन के प्रति यह दृष्टिकोण नहीं है, वे अन्य मिथ्या धारणाओं में फंसकर मिथ्याभिनिवेश को प्रश्रय देते हैं। सूत्रकार जीवन के प्रति जागरूक रहने की बलवती प्रेरणा देते हुए तथ्यों का प्रतिपादन करते हैं और मिथ्या मान्यताओं का खण्डन करते हैं। वे मिथ्या मान्यताएं ये हैं—

१. यह माना जाता था कि धर्म बुढ़ापे में करना चाहिए, पहले नहीं।

भगवान ने कहा—''धर्म करने के लिए सब काल उपयुक्त हैं, बुढ़ापे में कोई त्राण नहीं है।'' (श्‍लो. १)

२. भारतीय जीवन की परिपूर्ण कल्पना में चार पुरुषार्थ माने गए हैं—काम, अर्थ, धर्म और मोक्ष। अर्थ को येनकेन- प्रकारेण अर्जित करने की प्रेरणा दी जाती थी। लोग धन को त्राण मानते थे।

भगवान् ने कहा—''जो व्यक्ति अनुचित साधनों द्वारा धन का अर्जन करते हैं, वे धन को छोड़कर नरक में जाते हैं। यहां या परभव में धन किसी का त्राण नहीं बन सकता। धन का व्यामोह व्यक्ति को सही मार्ग पर जाने नहीं देता।'' (श्‍लो. २,५)

३. कई लोग यह मानते थे कि किए हुए कर्मों का फल परभव में ही मिलता है। कई मानते थे कि कर्मों का फल है ही नहीं।

भगवान् ने कहा—''किए हुए कर्मों को भोगे बिना छुटकारा नहीं मिलता। कर्मों का फल इस जन्म में भी मिलता है और पर-जन्म में भी।'' (श्‍लो. ३)

४. यह मान्यता थी कि एक व्यक्ति बहुतों के लिए कोई कर्म करता है तो उसका परिणाम वे सब भुगतते हैं।

भगवान् ने कहा—''संसारी प्राणी अपने बन्धुजनों के लिए जो साधारण कर्म करते हैं, उस कर्म के फल-भोग के समय वे बन्धुजन बन्धुता नहीं दिखाते, उसका भाग नहीं बंटाते।'' (श्‍लो. ४)

५. यह माना जाता था कि साधना के लिए समूह विघ्न है। व्यक्ति को अकेले में साधना करनी चाहिए।

भगवान् ने कहा—''जो स्वतंत्र वृत्ति का त्याग कर गुरु के आश्रयण में साधना करता है, वह मोक्ष पा लेता है।'' (श्‍लो. ८)

६. लोग कहते थे कि यदि छन्द के निरोध से मुक्ति मिलती है तो वह अन्त समय में भी किया जा सकता है।

भगवान् ने कहा—''धर्म पीछे करेंगे—यह कथन शाश्‍वतवादी कर सकते हैं। जो अपने आपको अमर मानते हैं, उनका यह कथन हो सकता है, परन्तु जो जीवन को क्षण-भंगुर मानते हैं, वे भला काल की प्रतीक्षा कैसे करेंगे? वे काल का विश्‍वास कैसे करेंगे? धर्म की उपासना के लिए समय का विभाग अवांछनीय है। व्यक्ति को प्रतिपल अप्रमत्त रहना चाहिए।'' (श्‍लो. ९-१०)

इस प्रकार यह अध्ययन जीवन के प्रति एक सही दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है और मिथ्या मान्यताओं का निरसन करता है।

चउत्थं अज्झयणं : असंखयं

चौथा अध्ययन : असंस्कृत

मूल

१. असंखयं जीविय मा पमायए, जरोवणीयस्स हु नत्थि ताणं।

एवं वियाणाहि जणे पमत्ते, कण्णू विहिंसा अजया गहिंति।।

हिन्‍दी अनुवाद

जीवन सांधा नहीं जा सकता,१ इसलिए प्रमाद मत करो।२ बुढ़ापा आने पर३ कोई शरण नहीं होता। प्रमादी, हिंसक और अविरत मनुष्य किसकी शरण लेंगे—यह विचार करो।

२. जे पावकम्मेहि धणं मणूसा, समाययंती अमइं गहाय।

पहाय ते पास पयट्टिए नरे, वेराणुबद्धा नरयं उवेंति।।

जो मनुष्य कुमति को स्वीकार कर पापकारी प्रवृत्तियों से४ धन का उपार्जन करते हैं वे मूर्च्छा के पाश से५ संचालित वैर से बंधे हुए व्यक्ति६ धन को छोड़कर नरक में जाते हैं।

३. तेणे जहा संधिमुहे गहीए, सकम्मुणा किच्चइ पावकारी।

एवं पया पेच्च इहं च लोए, कडाण कम्माण न मोक्ख अत्थि।।

जैसे सेंध लगाते हुए७ पकड़ा गया पापी चोर अपने कर्म से ही छेदा जाता है, उसी प्रकार इस लोक और परलोक में प्राणी अपने कृत कर्मों से ही छेदा जाता है—दण्डित होता है। किए हुए कर्मों का फल भोगे बिना छुटकारा नहीं होता।

४. संसारमावन्न परस्स अट्ठा, साहारणं जं च करेइ कम्मं।

कम्मस्स ते तस्स उ वेयकाले, न बंधवा बंधवयं उवेंति।।

संसारी प्राणी अपने बन्धुजनों के लिए जो साधारण कर्म (इसका फल मुझे भी मिले और उनको भी—ऐसा कर्म) करता है, उस कर्म के फल-भोग के समय वे बन्धुजन बन्धुता नहीं दिखाते—उसका भाग नहीं बंटाते।

५. वित्तेण ताणं न लभे पमत्ते, इमंमि लोए अदुवा परत्था।

दीवप्पणट्ठे व अणंतमोहे, नेयाउयं दट्ठुमदट्ठुमेव।।

प्रमत्त (धन में मूर्च्छित) मनुष्य इस लोक में अथवा परलोक में धन से त्राण नहीं पाता।८ अन्धेरी गुफा में जिसका दीप बुझ गया हो९ उसकी भांति, अनन्त मोह वाला प्राणी पार ले जाने वाले मार्ग को देखकर भी नहीं देखता।१०

६. सुत्तेसु यावी पडिबुद्धजीवी, न वीससे पंडिए आसुपण्णे।

घोरा मुहुत्ता अबलं सरीरं, भारुंडपक्खी व चरप्पमत्तो।।

आशुप्रज्ञ पंडित सोए हुए व्यक्तियों के बीच११ भी जागृत रहे।१२ प्रमाद में विश्‍वास न करे। काल बड़ा घोर (क्रूर) होता है।१३ शरीर दुर्बल है। इसलिए भारण्ड पक्षी१४ की भांति अप्रमत्त होकर विचरण करे।

७. चरे पयाइं परिसंकमाणो, जं किंचि पासं इह मण्णमाणो।

लाभंतरे जीविय वूहइत्ता, पच्छा परिण्णाय मलावधंसी।।

पग-पग पर दोषों से भय खाता हुआ, थोड़े से दोष को भी१५ पाश मानता हुआ चले। नए-नए गुणों की उपलब्धि हो, तब तक जीवन को पोषण दे।१६ जब वह न हो तब विचार-विमर्श पूर्वक१७ इस शरीर का ध्वंस१८ कर डाले।१९

८. छंदं निरोहेण उवेइ मोक्खं, आसे जहा सिक्खियवम्मधारी।

पुव्वाइं वासाइं चरप्पमत्तो, तम्हा मुणी खिप्पमुवेइ मोक्खं।।

शिक्षित (शिक्षक के अधीन रहा हुआ) और तनुत्राणधारी अश्‍व२० जैसे रण का पार पा जाता है, वैसे ही स्वच्छन्दता का निरोध करने वाला मुनि संसार का पार पा जाता है। पूर्व जीवन में२१ जो अप्रमत्त होकर विचरण करता है, वह उस अप्रमत्त-विहार से शीघ्र ही मोक्ष को प्राप्त होता है।

९. स पुव्वमेवं न लभेज्ज पच्छा, एसोवमा सासयवाइयाणं।

विसीयई सिढिले आउयंमि, कालोवणीए सरीरस्स भेए।।

जो पूर्व जीवन में२२ अप्रमत्त नहीं होता, वह पिछले जीवन में भी अप्रमाद को नहीं पा सकता। ''पिछले जीवन में अप्रमत्त हो जाएंगे''—ऐसा निश्‍चय-वचन शाश्‍वतवादियों के लिए ही२३ उचित हो सकता है। पूर्व जीवन में प्रमत्त रहने वाला आयु के शिथिल होने पर, मृत्यु के द्वारा शरीरभेद२४ के क्षण उपस्थित होने पर विषाद को प्राप्त होता है।

१०. खिप्पं न सक्केइ विवेगमेउं, तम्हा समुट्ठाय पहाय कामे।

समिच्च लोयं समया महेसी, अप्पाणरक्खी चरमप्पमत्तो।।

कोई भी मनुष्य विवेक को तत्काल प्राप्त२५ नहीं कर सकता। इसलिए हे मोक्ष की एषणा करने वाले२६ महर्षि! तुम उत्थित बनो—''जीवन के अंतिम भाग में अप्रमत्त बनेंगे''—इस आलस्य को त्यागो। काम-भोगों को छोड़ो। लोक को भलीभांति जानो। समभाव में रमण तथा आत्म-रक्षक और अप्रमत्त होकर विचरण करो।२७

११. मुहुं मुहुं मोह-गुणे जयंतं, अणेगरूवा समणं चरंतं।

फासा फुसंती असमंजसं च, न तेसु भिक्खू मणसा पउस्से।।

बार-बार मोहगुणों२८ पर विजय पाने का यत्‍न करने वाले उग्र-विहारी श्रमण को अनेक प्रकार के प्रतिकूल२९ स्पर्श पीड़ित करते हैं,३० असंतुलन पैदा करते हैं। किन्तु वह उन पर मन से भी प्रद्वेष न करे।

१२. मंदाय फासा बहुलोहणिज्जा, तहप्पगारेसु मणं न कुज्जा।

रक्खेज्ज कोहं विणएज्ज माणं, मायं न सेवे पयहेज्ज लोहं।।

कोमल—अनुकूल स्पर्श३१ बहुत लुभावने होते हैं। वैसे स्पर्शों में मन को न लगाये। क्रोध का निवारण करे।३२ मान को दूर करे। माया का सेवन न करे। लोभ को त्यागे।

१३. जे संखया तुच्छ परप्पवाई, ते पिज्ज-दोसाणुगया परज्झा।

एए अहम्मे त्ति दुगुंछमाणो, कंखे गुणे जाव सरीरभेओ।।

जो अन्यतीर्थिक लोग ''जीवन सांधा जा सकता है''३३—ऐसा कहते हैं वे अशिक्षित हैं,३४ प्रेय और द्वेष में फंसे हुए हैं, परतन्त्र हैं।३५ ''वे धर्म-रहित हैं''—ऐसा सोच उनसे दूर रहे।३६ अन्तिम सांस तक३७ (सम्यक्-दर्शन, ज्ञान, चारित्र आदि) गुणों की आराधना करे।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ४ : असंस्कृत

१. सांधा नहीं जा सकता (असंखयं)

जिसका संस्कार किया जा सके, सांधा जा सके, बढ़ाया जा सके, उसको संस्कृत कहा जाता है। जीवन असंस्कृत होता है—न उसको सांधा जा सकता है और न बढ़ाया जा सकता है। यह जीवन की सचाई है। नेमिचन्द्र ने यहां एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत किया है—

'वासाइं दो व तिन्नि व, वाहिज्जइ जरघरं पि सीडेवि।

सा का वि नत्थि नीई, सीडिज्जइ जीवियं जीए।।'

सड़े-गले घर की मरम्मत कर दो-चार वर्ष उसमें रहा जा सकता है। किंतु ऐसा कोई साधन नहीं है, जिससे टूटे हुए जीवन को सांधा जा सके।

२. प्रमाद मत करो (मा पमायए)

इसका अर्थ है—जीवन असंस्कृत है और आयुष्य अल्प है। प्रस्तुत श्‍लोक की रचना में 'मप्पमाउयं' का लिपि-विपर्यय के कारण 'मा पमायए' बना है, अथवा 'मा पमायए' ही मूल पाठ है, यह अन्वेषणीय है। प्रकरण की दृष्टि से 'मप्पमाउयं' पाठ अधिक प्रासंगिक है।

३. बुढ़ापा आने पर (जरोवणीयस्स)

जो व्यक्ति ऐसा सोचते हैं कि धर्म तो बुढ़ापे में कर लेंगे, वे भ्रम में जीते हैं। उन्हें सोचना चाहिए२—

'जया य रूवलावण्णं सोहग्गं च विणासए।

जरा विडंबए देहं, तया को सरणं भवे?'

'बुढ़ापा रूप, लावण्य और सौभाग्य को नष्ट कर देता है। वह शरीर की विडंबना करता है। तब भला वह शरण कैसे हो सकता है?'

'रसायणं निसेवंति, मंसं मज्जरसं तहा।

भुंजंति सरसाहारं, जरा तहवि न नस्सए।।'

लोग रसायनों का सेवन करते हैं ; मद्य, मांस, रस, सरस आहार आदि खाते हैं, फिर भी बुढ़ापा नहीं रुकता।

४. पापकारी प्रवृत्तियों से (पावकम्मेहि)

चूर्णि में पाप-कर्म का अर्थ—हिंसा, अनृत, चोरी, अब्रह्मचर्य, परिग्रह आदि कर्म—किया है। शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ 'पाप के उपादान-भूत अनुष्ठान' और नेमिचन्द्र ने 'कृषि, वाणिज्य आदि अनुष्ठान' किया है।

५. मूर्च्छा के पाश से (पास)

चूर्णि और बृहद्वृत्ति में 'पास' का मुख्य अर्थ—पश्य 'देख' किया गया है। बृहद्वृत्ति में इसका वैकल्पिक अर्थ 'पाश' भी है। नेमिचन्द्र ने इसे 'पाश' शब्द माना है। उन्होंने दो प्राचीन श्‍लोक उद्धृत किए हैं—

वारी गयाण जालं तिमीण हरिणाण वग्गुरा चेव।

पासा य सउणयाणं, णराण बंधत्थमित्थीओ।।१।।

उन्नयमाणा अक्खलिय-परक्कमा पंडिया कई जे य।

महिलाहिं अंगुलीए, नच्चाविज्जंति ते वि नरा।।२।।

हाथी के लिए वारि—श्रृंखला, मछलियों के लिए जाल, हिरणों के लिए वागुरा और पक्षियों के लिए पाश जैसे बन्धन है, उसी प्रकार मनुष्यों के लिए स्त्रियां बन्धन हैं। उन्नत और अस्खलित पराक्रम वाले पण्डित और कवि भी महिलाओं की अंगुलियों के संकेत पर नाचते हैं।

६. वैर से बंधे हुए व्यक्ति (वेराणुबुद्धा)

'वेरे वज्जे य कम्मे य'—इस वचन के अनुसार वैर के दो अर्थ होते हैं—वज्र और कर्म। यहां इसका अर्थ कर्म है। शान्त्याचार्य के अनुसार 'वेराणुबद्ध' का अर्थ 'कर्म से बद्ध' और नेमिचन्द्र के अनुसार 'पाप से बद्ध' होता है।

७. सेंध लगाते हुए (संधिमुहे)

इसका शाब्दिक अर्थ है—सेंध के द्वार पर। चूर्णिकार और टीकाकारों ने अनेक प्रकार की सेंध बतलाई हैं—कलशाकृति, नंद्यावर्ताकृति, पद्माकृति, पुरुषाकृति आदि-आदि।

शूद्रक द्वारा लिखित संस्कृत नाटक 'मृच्छकटिक' (३।१३) में सात प्रकार की सेंध बतलाई गई हैं—पद्म (कमल) के आकार की, सूर्य के आकार की, अर्द्धचन्द्र के आकार की, जलकुंड के आकार की, स्वस्तिक के आकार की, उभरे बर्तन (पूर्णकुम्भ) के आकार की और आयताकार।

इस प्रसंग पर चूर्णि (पृष्ठ ११०, १११), बृहद्वृत्ति (पत्र २०७, २०८) और सुखबोधा (पत्र ८१, ८२) में दो कथाओं का उल्लेख हुआ है।

दोनों कथाएं इस प्रकार हैं—

१. एक नगर में एक कुशल चोर रहता था। वह नाना प्रकार की सेंध लगाने में निपुण था। एक बार वह एक अभेद्य घर में कपिशीर्षक (कोंगरेवाली) सेंध लगा रहा था। इतने में ही घर का स्वामी जाग गया। वह सेंध की ओर देखने लगा। चोर ने सेंध लगाने का कार्य पूरा कर, उसमें अपने दोनों पैर डाले। घर का स्वामी सचेत था। उसने उसके दोनों पैर बलपूर्वक पकड़ लिए। चोर ने बाहर खड़े साथी चोर से कहा—भीतर मेरे पैर पकड़ लिए हैं। तुम जोर लगाकर मुझे बाहर खींच लो। साथी चोर ने वैसा ही करना प्रारम्भ किया। भीतर और बाहर दोनों ओर से इसकी खिंचाई होने लगी। उस सेंध के कंगरू तीखे थे। बार-बार की खिंचाई से सारा शरीर लहुलूहान हो गया। छोड़ा दोनों ने नहीं। वह विलाप करता हुआ मर गया।

२. एक चोर घर के पिछवाड़े में सेंध लगाकर एक धनाढ्य व्यक्ति के घर में घुसा। घर के सभी सदस्य निद्राधीन थे। उसने मनचाहा धन चुराया और उसी सेंध से बाहर निकल कर घर आ गया। रात बीती। प्रभात हुआ। उसने स्‍नान कर नए कपड़े पहने और उसी घर के समीप आ उपस्थित हुआ। वह जानना चाहता था कि लोग उस सेंध के विषय में क्या कहते हैं? वे उसे (चोर को) पहचान पाते हैं या नहीं? यदि पहचान नहीं पाएंगे तो मैं पुन: पुन: चोरी करूंगा। वह सेंध के स्थान पर आया। वहां भीड़ एकत्रित हो गई थी। सभी सेंध लगाने वाले की निपुणता पर आश्‍चर्य व्यक्त कर रहे थे। वे कहने लगे—अरे! इस घर पर चढ़ना अत्यन्त कठिन है। चोर इस पर कैसे चढ़ा? कैसे उसने पीछे की दीवार पर सेंध लगाई? ओह! इस छोटी-सी सेंध में होकर वह भीतर कैसे गया और धन की पोटली के साथ फिर इस छोटे सेंध-द्वार से कैसे निकला? चोर सुन रहा था। उसने अपनी कमर और पेट की ओर देखा। फिर देखा उस छोटी-सी सेंध की ओर। दो गुप्तचर वहां खड़े थे। वे इसकी सारी गतिविधियों पर ध्यान रख रहे थे। वे तत्काल आए और उसका निग्रह कर राजा के पास ले गए। उसने चोरी की बात स्वीकार की। राजा ने उसे दंडित कर कारावास में डाल दिया।

प्रस्तुत कथा में चोर अपने द्वारा लगाई गई सेंध की प्रशंसा सुनकर हर्षातिरेक से संयम न रखने के कारण पकड़ा जाता है। इस कथा की तुलना 'मृच्छकटिक' (३।१३) में आई हुई कथा से होती है। उसमें चारुदत्त की विशाल हवेली की दीवार के निकट खड़ा निष्णात चोर 'शर्विलक' सोच रहा है—'तरुलता से आच्छादित इस भित्ति में सेंध कैसे लगाई जाए? सेंध देखने के बाद लोग विस्मयाभिभूत हो उसकी प्रशंसा न करें तो मेरी सेंध लगाने की विशेषता ही क्या हुई?'

८. (वित्तेण ताणं न लभे पमत्ते)

व्यक्ति धन कमाता है, पर वह उसके लिए त्राण नहीं बनता। धन सुख-सुविधा दे सकता है, पर शरण नहीं। व्याख्याग्रंथों में एक कथा है—

उत्सव का आयोजन था। राजा ने अपने नगर में घोषणा करवाई कि आज नगर के सभी पुरुष गांव के बाहर उद्यान में एकत्रित हो जाएं। कोई भी पुरुष नगर के भीतर न रहे। यदि कोई रहेगा तो उसे मौत का दंड भोगना पड़ेगा। सभी पुरुष नगर के बाहर एकत्रित हो गए। राजपुरोहित का पुत्र एक वेश्या के घर में जा छुपा। राज्य कर्मचारियों को पता लगा और वे वेश्या के घर से पकड़ कर ले गए। वह राजपुरुषों के साथ विवाद करने लगा। वे उसे राजा के समक्ष ले गए। राजाज्ञा की अवहेलना के जुर्म में राजा ने उसे मृत्युदंड दिया। पुरोहित राजा के समक्ष उपस्थित होकर बोला—राजन्! मैं अपना सर्वस्व आपको दे देता हूं। आप मेरे इकलौते पुत्र को मुक्त कर दें। राजा ने उसकी बात स्वीकार नहीं की और पुरोहित पुत्र को शूली पर चढ़ा दिया।

जो धन यहां भी त्राण नहीं दे पाता, वह परलोक में त्राण कैसे बनेगा?

आचार्य नेमिचन्द्र ने वित्त—धन के परिणामों की चर्चा करते हुए एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

'मोहाययणं मयकामवद्धणो जणियचित्तसंतावो।

आरंभकलहहेऊ दुक्खाण परिग्गहो मूलं।।'

परिग्रह मोह का आयतन, अहंकार और कामवासना को बढ़ाने वाला, चित्त में संताप पैदा करने वाला, हिंसा और कलह का हेतु तथा दु:खों का मूल है।

९. अन्धेरी गुफा में जिसका दीप बुझ गया हो (दीवप्पणट्ठे)

निर्युक्तिकार ने प्राकृत के अनुसार 'दीव' के दो अर्थ किए हैं—आश्‍वास-द्वीप और प्रकाश-दीप। जिससे समुद्र में निमग्‍न मनुष्यों को आश्‍वासन मिलता है उसे 'आश्‍वास-द्वीप' और जो अन्धकार में प्रकाश फैलाता है, उसे 'प्रकाश-दीप' कहा जाता है। आश्‍वास-द्वीप के दो भेद हैं—संदीन और असंदीन। जो जल-प्लावन आदि से नष्ट हो जाता है, उसे 'संदीन' और जो नष्ट नहीं होता उसे 'असंदीन' कहते हैं। चूर्णिकार के अनुसार असंदीन द्वीप विस्तीर्ण और ऊंचा होता है। जैसे—कोंकण देश का द्वीप।

प्रकाश-दीप के दो भेद हैं—संयोगिम और असंयोगिम। जो तैल, वर्ति आदि के संयोग से प्रदीप्त होता है वह 'संयोगिम' कहलाता है और सूर्य, चन्द्र आदि के बिम्ब 'असंयोगिम' कहलाते हैं।

यहां प्रकाश-दीप अभिप्रेत है। कई धातुवादी धातु प्राप्ति के लिए भूगर्भ में गए। दीप, अग्‍नि और ईंधन उनके पास थे। प्रमादवश दीप बुझ गया, अग्‍नि भी बुझ गई। अब वे उस गहन अन्धकार में उस मार्ग को नहीं पा सके, जो पहले देखा हुआ था। वे भटक गए। एक स्थान पर महान् विषधर सर्प थे। वे धातुवादी वहां से निकले। सर्पों ने उन्हें डसा। वे वहीं एक गढ़े में गिरे और तत्काल मृत्यु को प्राप्त हो गए।

सरपेन्टियर शान्त्याचार्य के दीप परक अर्थ को गलत मानते हैं।

किन्तु शान्त्याचार्य ने निर्युक्तिकार के मत का अनुसरण कर 'दीव' शब्द के सम्भावित दो अर्थों की जानकारी दी है। उनमें प्रस्तुत अर्थ प्रकाश-दीप को ही माना है—अत्र च प्रकाशदीपेनाधिकृतम्।

१०. (श्‍लोक १-५)

प्रस्तुत अध्ययन के प्रथम पांच श्‍लोकों में भगवान् महावीर के अपरिग्रह के दृष्टिकोण की व्याख्या मिलती है। संग्रह की व्यर्थता को बतलाने के लिए उन्होंने महत्त्वपूर्ण पांच सूत्र दिए। वे ये हैं—

१. जीवन स्वल्प है। वह सांधा नहीं जा सकता, फिर इतने छोटे से जीवन के लिए इतना संग्रह क्यों?

२. अशुद्ध साधनों से, पापकारी प्रवृत्तियों से धन का उपार्जन या संग्रह दु:ख या दुर्गति का हेतु है।

३. कृत कर्मों से प्राणी छेदा जाता है—दंडित होता है। किए हुए कर्मों को भोगे बिना छुटकारा नहीं मिलता।

४. व्यक्ति परिवार के लिए कर्म करता है, परन्तु कर्मों के फलभोग के समय पारिवारिक जन उसका हिस्सा नहीं बंटाते, उसको अकेले ही फल भोगना पड़ता है।

५. धन त्राण नहीं दे सकता।

इन हेतुओं को सामने रखकर संग्रह की व्यर्थता का अंकन किया जा सकता है।

११. (सुत्तेसु)

सुप्त शब्द में उन दोनों का समावेश होता है, जो सोया हुआ हो और जो धर्माचरण के लिए जागृत न हो।

१२. जागृत रहे (पडिबुद्धजीवी)

प्रतिबुद्ध शब्द में उन दोनों का समावेश होता है—'जो नींद में न हो, और जो धर्माचरण के लिए जागृत हो।'

प्रतिबोध का अर्थ है—जागरण। वह दो प्रकार का है—(१) निद्रा का अभाव और (२) धर्माचरण और सत्य के प्रति जागरूकता। जिनकी चेतना द्रव्यत: सघन निद्रा के द्वारा और भावत: मूर्च्छा के द्वारा प्रसुप्त है, उनका विवेक जागृत नहीं होता। जो व्यक्ति दोनों अवस्थाओं में जागता है, वह प्रतिबुद्धजीवी है। वह पूरा जीवन जागरण का जीवन जीता है।

दशवैकालिक सूत्र में प्रतिबुद्धजीवी की परिभाषा उपलब्ध है—

(१) जो मन, वचन और काया की दुष्प्रवृत्ति पर नियंत्रण रखने में सक्षम होता है।

(२) जो धृतिमान् होता है।

(३) जो संयमी और जितेन्द्रिय होता है।

उत्तराध्ययन की चूर्णि के अनुसार प्रतिबुद्धजीवी वह है जो कषायों और इन्द्रियों पर विजय प्राप्त कर चलता है।

निद्रा—अजागरूकता के प्रतिषेध के लिए व्याख्या-ग्रन्थों में 'अगडदत्त' का उदाहरण दिया गया है। चूर्णि में इस कथानक का रूप अत्यन्त संक्षिप्त है। बृहद्वृत्तिकार ने प्राकृत गद्य में कथानक प्रस्तुत किया है और सुखबोधा में यह कथानक ३२८ गाथाओं में निबद्ध है।

कथा का सार संक्षेप

अगडदत्त एक रथिक का पुत्र था। बाल्य अवस्था में ही पिता का वियोग हो गया। वह वयस्क होकर कौशंबी नगरी में शस्त्र-विद्या सीखने गया। वहां एक निपुण शस्त्राचार्य के पास शस्त्रविद्या में निपुण हो, अपनी निपुणता का प्रदर्शन करने राजकुल में गया। राजा और सभी सभासद् उसकी दक्षता पर मुग्ध होकर उसे नगर रक्षा का भार सौंप दिया।

सारा जनपद एक चोर की हरकतों से संत्रस्त हो रहा था। राजा ने नगर रक्षक अगडदत्त को चोर को पकड़ लाने का काम सौंपा। वह राजकुल से चोर को पकड़ने निकला। वह एक उद्यान में, एक सघन वृक्ष के नीचे विश्राम के लिए बैठा और उपाय की चिंता करने लगा। इतने में ही एक परिव्राजक उसी वृक्ष की छांह में आकर बैठा। अगडदत्त को उस व्यक्ति के चोर होने का संदेह हुआ। परिव्राजक और अगडदत्त—दोनों परस्पर बातचीत करने लगे। अगडदत्त बोला—भगवन्! मैं अत्यंत दरिद्र हूं। खाने-पीने के लिए भी कुछ नहीं है। परिव्राजक ने कहा—मेरे साथ रहो। मैं तुम्हें आजीविका दूंगा। अब वह परिव्राजक के साथ छाया की भांति रहने लगा।

वास्तव में परिव्राजक ही दुर्धर्ष चोर था। वह उस रात्री में अगडदत्त के साथ एक धनवान् के घर चोरी करने गया। अपार धन-संपत्ति चुरा, वह एक यक्ष मंदिर से पांच-सात व्यक्तियों को लेकर आया। सभी उस धन-संपत्ति के साथ नगर के बाहर आए। परिव्राजक ने कहा—अभी नगर के इस बाह्य उद्यान में हम सभी विश्राम करें, फिर आगे चलेंगे। सभी सो गए। अगडदत्त और परिव्राजक जागते हुए अपनी शय्या पर सोए रहे। दूसरे सभी व्यक्ति गाढ़ निद्रा में लीन हो गए। अगडदत्त परिव्राजक की आंख चुरा एक वृक्ष की ओट में जा छुपा। इधर परिव्राजक उठा। उसने सोए हुए उन सभी व्यक्तियों पर घोर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। अगडदत्त को बिछौने पर न देखकर खोज में निकला। उसको एक वृक्ष की ओट में देखा और उस पर प्रहार करने झपटा। अगडदत्त सावधान था। उसने उसके कंधे पर बलपूर्वक प्रहार किया। चोर मूर्च्छित हो गिर पड़ा। कुछ चेतना आने पर वह बोला—''वत्स! तुम मेरे घर जाकर इस तलवार को दिखाना। वहां मेरी बहिन तुम्हें पति रूप में स्वीकार कर लेगी। इतना कह उसने वहीं प्राण छोड़ दिए।''

अगडदत्त उसके घर गया। तलवार को देखते ही बहिन जान गई कि यह मेरे भाई का हत्यारा है। उसने बदला लेने, उसे मारने का उपाय किया। पर अगडदत्त सावधान था। उसने उसकी चाल सफल नहीं होने दी। वह उसे लेकर राजघर में गया। राजा ने बहुत पारितोषिक देकर उसका सम्मान किया।

१३. काल बड़ा घोर (क्रूर) होता है (घोरा मुहुत्ता)

इन शब्दों द्वारा यह संकेत किया गया है कि प्राणी की आयु अल्प होती है और मृत्यु का काल अनियमित होता है, न जाने कब वह आ जाए और प्राणी को उठा ले जाए।

यहां 'मुहूर्त्त' शब्द से समस्त काल का ग्रहण किया गया है। प्राणी की आयु प्रतिपल क्षीण होती है—इस अर्थ में काल प्रतिपल जीवन का अपहरण करता है इसीलिए उसे घोर-रौद्र कहा है।

१४. भारण्ड पक्षी (भारूंडपक्खी)

जैन-साहित्य में 'अप्रमत्त अवस्था' को बताने के लिए इस उपमा का प्रयोग अनेक स्थलों में किया गया है।

कल्पसूत्र में भगवान् महावीर को—'भारंडपक्खी इव अप्पमत्ते'—भारंड पक्षी की भांति अप्रमत्त कहा गया है। चूर्णि और टीकाओं के अनुसार ये दो जीव संयुक्त होते हैं। इन दोनों के तीन पैर होते हैं। बीच का पैर दोनों के लिए सामान्य होता है और एक-एक पैर व्यक्तिगत। वे एक-दूसरे के प्रति बड़ी सावधानी बरतते हैं, सतत जागरूक रहते हैं।

छट्ठी शताब्दी की रचना वसुदेवहिण्डी नामक ग्रन्थ (पृ० २४९) में भारंड पक्षी का वर्णन देते हुए लिखा है—ये पक्षी रत्‍नद्वीप से आते हैं। इनका शरीर बहुत विशाल होता है और ये बाघ, रीछ आदि विशालकाय जानवरों का मांस खाते हैं।

कल्पसूत्र की किरणावली टीका में भारंड पक्षी का चित्रण निम्‍न प्रकार से किया गया है—

द्विजिह्ना द्विमुखाश्‍चैकोदरा भिन्नफलैषिण:।

पंचतंत्र के अपरीक्षित कारक में भारंड पक्षी से सम्बन्धित कथा का उल्लेख हुआ है। उसका प्राग्वर्ती श्‍लोक यह है—

एकोदरा: पृथग्ग्रीवा, अन्योन्यफलभक्षिण:।

असंहता विनश्यन्ति, भारंडा इव पक्षिण:।।

एक सरोवर के तट पर भारण्ड पक्षी का एक युगल रहता था। एक दिन दोनों पति-पत्‍नी भोजन की खोज में समुद्र के किनारे-किनारे घूम रहे थे। उन्होंने देखा समुद्र की तरंगों के वेग से प्रवाहित होकर अमृत फलों का एक समूह तट पर विस्तीर्ण पड़ा है। उनमें से बहुत सारे फलों को नर भारण्ड पक्षी खा गया और उनके स्वाद से तृप्त हो गया। इसके मुख से फलों के स्वाद को सुनकर दूसरे मुख ने कहा—अरे भाई! यदि इन फलों में इतना स्वाद है तो मुझे भी कुछ चखाओ, जिससे कि यह दूसरी जीभ भी उस स्वाद के सुख का तनिक अनुभव कर सके। यह सुनकर भारण्ड पक्षी ने कहा—हम दोनों का पेट एक है। इसलिए एक मुख से खाने पर भी दूसरे को तृप्ति हो ही जाती है। इसलिए और खाने से क्या लाभ? परन्तु फलों का जो अवशिष्ट भाग है, वह मादा भारण्ड पक्षी को दे देना चाहिए ताकि वह भी उसका स्वाद ले सके। अवशिष्ट फल स्त्री को दे दिए गए। परन्तु दूसरे मुंह को यह उचित नहीं लगा। वह सदा उदासीन रहने लगा और येन-केन प्रकारेण इसका बदला लेना चाहा। एक दिन संयोगवश दूसरे मुख को एक विष-फल मिल गया। उसने अमृत-फल खाने वाले मुंह से कहा—अरे अधर्म और निरपेक्ष! मुझे आज विष-फल मिला है। अब मैं अपने अपमान का बदला लेने के लिए इसे खा रहा हूं। यह सुनकर पहला मुंह बोला—अरे मूर्ख! ऐसा मत कर। ऐसा करने से हम दोनों मर जायेंगे। परन्तु वह नहीं माना और अपमान का बदला लेने के लिए विष-फल खा गया। विष के प्रभाव से दोनों मर गए।

इस पक्षी के लिए भारंड, भारुण्ड और भेरुंड—ये तीन शब्द प्रचलित हैं। आचार्य हेमचन्द्र की देशीनाममाला में भारुण्ड का नाम भोरुड है—भारुंडयम्मि भोरुडओ (६।१०८)। उनकी अनेकार्थक नाममाला (३।१७३) में ''भेरुण्डो भीषण खग:—भेरुण्ड: खग: पक्षी, यथा—विसंहिता विनश्यंति, भेरुण्डा इव पक्षिण:''—यह उल्लेख मिलता है।

वसुदेवहिण्डी में एक कथा है—

कई एक बनजारे व्यापार के लिए एक साथ निकले। प्रवास करते-करते वे अजपथ नामक देश में आ पहुंचे। वहां पहुंचकर वे सभी व्यापारी 'वज्रकोटि संस्थित' नामक पर्वत को लांघकर आगे निकल गए। परन्तु अति शीत के कारण बकरे कांपने लगे। उनकी आंखों पर से पट्टियां हटा ली गईं और बाद में जिन पर बैठकर यहां आए थे उन सभी बकरों को मारकर उनकी चमड़ी से बड़ी-बड़ी मसकों का निर्माण किया। तदनन्तर रत्‍नद्वीप जाने के इच्छुक व्यापारी इन मसकों में एक-एक छुरा लेकर बैठ गए और अन्दर से उन्हें बन्द कर लिया।

उस पर्वत पर भक्ष्य की खोज में भारंड पक्षी आए और इन मसकों को मांस का लोंदा समझकर उठा ले गए। रत्‍नद्वीप में नीचे रखते ही अन्दर बैठे हुए व्यापारी छुरे से मसक को काटकर बाहर निकल गए। तदनन्तर वहां से यथेष्ट रत्‍नों का गट्ठर बांधकर पुन: मसक में आ बैठे। भारंड पक्षियों ने उन मसकों को पुन: उस पर्वत पर ला छोड़ दिया।

प्राप्त सामग्री के आधार पर यह भारंड पक्षी का संक्षिप्त परिचय है। प्राचीन काल में ये पक्षी यत्र-तत्र गोचर होते थे परन्तु आजकल उनका कोई इतिवृत्त नहीं मिलता। अभी-अभी कुछ वर्ष पूर्व हमने एक पत्र में पढ़ा कि एक दिन एक विशालकाय पक्षी आकाश से नीचे उतर रहा था। उसकी गति से उठी हुई आवाज हवाई जहाज की आवाज जैसी थी। ज्यों ही वह जमीन के पास आया, त्यों ही वहां खड़े कई पशु (व्याघ्र, सिंह आदि) स्वत: उसकी ओर खिंच गए और वह उन्हें खा गया।

१५. थोड़े से दोष को भी (जं किंचि)

'यत् किंचित्' का प्रासंगिक अर्थ थोड़ा सा प्रमाद या दोष है। दुश्‍चिन्तित, दुर्भाषित और दुष्कार्य—ये सब प्रमाद हैं। जो दुश्‍चिन्तन करता है वह भी बन्ध जाता है। जो दुश्‍चिन्तन कर उसे क्रियान्वित करता है, वह तो अवश्य ही बन्धता है। इसलिए यत् किंचित् प्रमाद भी पाश है—बन्धन है। शान्त्याचार्य ने 'यत् किंचित्' का मुख्य आशय गृहस्थ से परिचय करना और गौण आशय प्रमाद किया है।

१६. नए-नए गुण की उपलब्धि हो... पोषण दे (लाभंतरे जीविय वूहइत्ता)

चूर्णिकार ने 'लाभंतरे' का अर्थ—लाभ देने वाला किया है। बृहद्वृत्ति में लाभ का अर्थ अपूर्व उपलब्धि और 'अन्तर' का अर्थ विशेष किया है। इसका तात्पर्य है विशिष्ट-विशिष्टतर ज्ञान, दर्शन और चारित्र के गुणों की उपलब्धि।

वेन्नाकतट नगर में मंडिक नाम का जुलाहा रहता था। वह दूसरों के धन का अपहरण कर अपनी आजीविका चलाता था। वह अपने पैरों पर पट्टी बांधे राजमार्ग पर कपड़े बुनता। लोगों के पूछने पर कहता—मेरे पांव पर भयंकर विषफोड़ा हुआ है। वह हाथ में लाठी लिए, लंगड़ाता हुआ चलता। रात में वह घरों में सेंध लगाकर चोरी करता और गांव के निकट एक भूमिघर में उस धन को एकत्रित कर रखता। वहां उसकी बहिन रहती। उस भूमिघर के मध्य में एक गहरा कुंआ था। चोर मंडिक अपने द्वारा चुराए गए धन को उठाकर लाने वाले भारवाहकों के साथ वहां आता। उसकी बहिन उनका आतिथ्य करने के बहाने कुए पर पहले से बिछे हुए आसन पर उन्हें बिठाती और वे सारे उस अंधकूप में गिर कर मर जाते।

सारा नगर चोर से संत्रस्त था। चोर पकड़ में नहीं आ रहा था। नगर के सभ्रान्त व्यक्ति मिलकर राजा मूलदेव के पास गए। चोर की बात कही। राजा ने चिन्ता व्यक्त करते हुए उनको आश्‍वस्त करने दूसरे नगर-रक्षक की नियुक्ति की। वह भी चोर को पकड़ने में असफल रहा। तब राजा स्वयं काले वस्त्र पहनकर चोर की टोह में रात में निकला। वह एक सभा में जा बैठा। कोई भी उसे पहचान नहीं सका। इतने में मंडिक चोर ने वहां आकर पूछा—कौन हो तुम? मूलदेव बोला—भैया! मैं तो कार्पटिक हूं। मंडिक ने कहा—चलो मेरे साथ। मैं कुछ मजदूरी दूंगा। वह उठा। मंडिक आगे-आगे चल रहा था और वह गुप्तवेशधारी राजा उसके पीछे-पीछे। मंडिक एक धनी व्यक्ति के घर पहुंचा, सेंध लगाई और बहुत सारा धन चुराकर गठरियां बांधीं और कार्पटिक के सिर पर सारी गठरियां रखकर गांव से बाहर आया। उस भूमिघर के पास आकर इस चोर ने सारी गठरियां नीचे उतारीं और अपनी बहिन को पुकार कर कहा—इस अतिथि का सत्कार करो। मंडिक अन्यत्र चला गया। भगिनी ने इस अतिथि को देखा। इसके लावण्य और मुखच्छवि को देखकर उसने सोचा, यह कोई राजघराने का व्यक्ति है। बेचारा व्यर्थ ही मारा जाएगा। उसके मन में करुणा जागी। वह बोली—भद्र! यहां से भाग जाओ, अन्यथा मारे जाओगे। मूलदेव वहां से भाग गया। उस लड़की ने चिल्लाकर कहा—अरे, दौड़ो, दौड़ो, वह भाग गया है। मंडिक चोर ने यह सुना। वह नंगी तलवार हाथ में ले पीछे भागा। पर वह नहीं मिला। मूलदेव जाते-जाते एक शिवमंदिर में जा छुपा। चोर ने शिवलिंग को मनुष्य समझकर उस पर प्रहार कर भूमिघर पर आ गया। प्रभातकाल में वह राजपथ पर गया और कपड़े बुनने के काम में लग गया। राजपुरुषों ने उसे पकड़ कर राजा मूलदेव के समक्ष उपस्थित किया। राजा ने उसको ससम्मान आसन दिया और कहा—तुम अपनी बहिन का विवाह मेरे साथ कर दो। विवाह संपन्न हुआ। राजा ने उसको प्रचुर भोग सामग्री दी। कुछ दिन बीते। एक दिन राजा ने उससे कहा—मुझे अभी कुछ धन चाहिए। चोर ने अपने भंडार से धन ला दिया। फिर कुछ धन मंगाया। इस प्रकार चोर का सारा धन मंगा लिया। राजा ने उसकी बहिन से पूछा—इसके पास और कितना धन है? बहिन बोली—अब रिक्त हो गया है। तब राजा ने इस मंडिक चोर को शूली पर लटका दिया।

राजा को जब तक उस चोर से धन मिलता रहा तब तक वह उसका भरण-पोषण करता रहा। जब धन मिलना बंद हो गया तब उसको मार डाला।

बृहद्वृत्ति (पत्र २१८-२२२) में यह कथा विस्तार से प्राप्त है।

१७. विचार-विमर्श पूर्वक (परिन्नाय)

परिज्ञा का अर्थ है—सभी प्रकार से जानकर। परिज्ञा के दो प्रकार हैं—ज्ञ-परिज्ञा और प्रत्याख्यान-परिज्ञा। व्यक्ति ज्ञ-परिज्ञा से जान लेता है कि अब मैं पूर्व की भांति ज्ञान, दर्शन और चारित्र के गुणों की विशिष्ट प्राप्ति करने में असमर्थ हूं, निर्जरा भी कम हो रही है क्योंकि शरीर क्षीण है। यह बुढ़ापे से जीर्ण और रोगों से आक्रान्त है, अत: अब धर्माराधना भी नहीं हो रही है। यह जानकर वह संलेखना करता है और अन्त में यावज्जीवन अनशन कर शरीर को त्याग देता है।

१८. इस शरीर का ध्वंस (मलावधंसी)

यहां 'मल' का अर्थ है शरीर। यह मलों का आश्रय होता है अत: इसका लाक्षणिक नाम 'मल' है। चूर्णिकार ने 'मल' का अर्थ 'कर्म' और बृहद्वृत्तिकार ने इसका मूल अर्थ कर्म और वैकल्पिक अर्थ शरीर दिया है। शरीर अर्थ ही यहां प्रासंगिक है।

१९. (श्‍लोक ७)

प्रस्तुत श्‍लोक में अनशन की सीमा का निरूपण किया गया है। प्रश्‍न होता है कि मुनि (या अन्य कोई) अनशन कब करे? सूत्रकार ने इसके समाधान में आयु-सीमा का कोई निर्धारण नहीं किया है और न ही रोग या नीरोग अवस्था का निर्देश दिया है। यहां एक भावात्मक सीमा का निर्देश है। जब तक ज्ञान, दर्शन और चारित्र की नई-नई उपलब्धियां होती रहें, तब तक शरीर को धारण करना चाहिए। जब अपने शरीर से कोई विशिष्ट उपलब्धि न हो, उस अवस्था में संलेखना की आराधना कर अन्त में अनशन कर लेना चाहिए।

सूत्रकृतांग में आबाधा (बुढ़ापा या रोग) के होने या न होने—दोनों अवस्थाओं में अनशन की विधि का निर्देश मिलता है। यह निर्देश साधु और श्रमणोपासक—दोनों के लिए है।

२०. शिक्षित....अश्‍व (आसे जहा सिक्खिय.....)

अश्‍व दो प्रकार के होते हैं—प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित। प्रशिक्षित अश्‍व अपने शिक्षक के अनुशासन में रहता है। वह उच्छृंखल नहीं होता। अप्रशिक्षित अश्‍व अपने सवार (अश्‍ववार) का अनुशासन नहीं मानता। वह उच्छृंखल होता है। व्याख्याकारों ने यहां एक कथानक प्रस्तुत किया है—

एक राजा ने दो कुलपुत्रों को दो अश्‍व दिए और कहा—इनको प्रशिक्षित करना है और समुचित भरण-पोषण भी करना है। एक कुलपुत्र अपने अश्‍व को धावन, प्लावन, वल्गन आदि अनेक कलाओं में पारंगत करता है और उसका उचित भरण-पोषण भी करता है। दूसरा कुलपुत्र सोचता है—राजकुल में इस अश्‍व के लिए इतना कुछ मिलता है, पर इसे क्यों खिलाया जाए? यह सोचकर वह उस अश्‍व को भूसा आदि खिलाता है और अपने अरहट पर जोतकर उससे काम कराता है। वह उसे प्रशिक्षित नहीं करता।

एक बार किसी शत्रु ने आक्रमण कर दिया। राजा ने उन दोनों कुलपुत्रों को अपने-अपने घोड़ों पर संग्राम में जाने का आदेश दिया। जो अश्‍व पूर्व-प्रशिक्षित था, वह अपने सवार का अनुशासन मानता हुआ संग्राम का पार पा गया। जो अप्रशिक्षित अश्‍व था, वह शत्रुओं के हाथ आ गया और कुलपुत्र बंदी बना लिया गया।

२१. पूर्व जीवन में (पुव्वाइं वासाइं)

पूर्व-परिमाण आयुष्यवालों के लिए 'पूर्व' और वर्ष-परिमाण आयुष्यवालों के लिए 'वर्ष' का उल्लेख हुआ है—ऐसा चूर्णिकार और वृत्तिकार का अभिमत है। परन्तु विषय की दृष्टि से 'पुव्वाइं वासाइं' का अर्थ 'पूर्व जीवन के वर्ष' संगत लगता है।

२२. पूर्व जीवन में (पुव्वमेवं)

'पुव्व' (पूर्व) का अर्थ है—पहले का जीवन। चूर्णिकार ने आठवें श्‍लोक के प्रसंग में एक प्रश्‍न उपस्थित किया है। शिष्य गुरु से पूछता है—भंते! कुछ क्षणों या दिनों तक अप्रमत्त रहा जा सकता है। जो पूर्वकाल (दीर्घकाल) तक अप्रमत्त रहने की बात कही जाती है, वह कष्टकर है, कठिन है। इसलिए जीवन के अन्तिम चरण में अप्रमत्त रहना ही श्रेयस्कर है।

गुरु ने कहा—जो पहले जीवन में अप्रमादी नहीं होता, वह अन्त में अप्रमत्त अवस्था को प्राप्त नहीं हो सकता। क्योंकि—

'पुव्वमकारितजोगो पुरिसो, मरणे उवट्ठिते संते।

ण चइति व सहितुं जे अंगेहिं परीसहणिवादे।।'

—जो मनुष्य पूर्वजीवन में समाधि को प्राप्त नहीं होता, वह मरणकाल में अपने प्रमाद को नहीं छोड़ सकता और अपने शिथिल शरीर से न परीषहों को ही सहन करने में सक्षम होता है।

२३. शाश्‍वतवादियों के लिए ही (सासयवाइयाणं)

प्रस्तुत चरण में शाश्‍वतवादी का प्रयोग आयुष्य के संदर्भ में हुआ है। आयुष्य दो प्रकार का है—सोपक्रम और निरुपक्रम। जिसमें अकाल-मृत्यु होती है, वह सोपक्रम आयुष्य है और जिसमें काल-मृत्यु होती है, वह निरुपक्रम आयुष्य है। शाश्‍वतवादी आयुष्य को निरुपक्रम मानते हैं। उनके अनुसार अकाल मृत्यु नहीं होती। वे ही लोग ऐसा मान सकते हैं—'स पुव्वमेवं न लभेज्ज पच्छा'—जीवन के प्रारम्भ में ही क्यों, धर्माचरण तो जीवन के अन्तकाल में किया जा सकता है। जो जीवन को पानी के बुदबुदे की भांति अस्थिर मानते हैं, वे ऐसा कभी नहीं सोच सकते।

२४. शरीरभेद (सरीरस्स भेए)

चूर्णिकार ने यहां एक कथा का उल्लेख किया है—एक राजा ने अपने राज्य में म्लेच्छों का आगमन जानकर पूरे जनपद में यह घोषणा करवाई कि नगर के सभी स्त्री-पुरुष दुर्ग में आ जाएं। वहां उनकी सुरक्षा होगी। कुछेक व्यक्ति तत्काल ही दुर्ग में आकर सुरक्षित हो गए। कुछेक व्यक्ति घोषणा के प्रति ध्यान न दे, अपने परिग्रह—धन, धान्य, मकान आदि में आसक्त होकर वहीं रह गए। देखते-देखते म्लेच्छ आए और वहां अवस्थित व्यक्तियों को मारकर उनका धन लूट ले गए। जो दुर्ग में थे, वे बच गए। म्लेच्छों के चले जाने पर वे आए और अपने स्वजनों को मरा देखकर तथा वैभव को नष्ट जानकर रोते-विलखते रहे।

२५. विवेक को प्राप्त (विवेगमेउं)

विवेक का सामान्य अर्थ है—पृथक्करण। प्रस्तुत प्रसंग में उसका अर्थ है—आसक्ति का परित्याग और कषायों का परिहार।

सूत्रकार का अभिप्राय है कि कोई भी प्राणी विवेक को तत्काल प्राप्त नहीं कर सकता। कर्मों की क्षीणता होते-होते, पूरी सामग्री की उपलब्धि होने पर वह प्राप्त होता है। ऋषभ की जन्मदात्री मरुदेवा माता को तत्काल विवेक प्राप्त हो गया था। यह आपवादिक घटना है और इसे एक आश्‍चर्यकारी विशिष्ट घटना ही माना है। ऐसी तीव्र अभीप्सा विरलों में ही होती है। अत: इसे सामान्य नियम नहीं माना जा सकता। 'विवेक तत्काल हो नहीं सकता' इसको बताने के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत है—

एक ब्राह्मण परदेश गया और वहां वेद की सभी शाखाओं का पारगामी होकर घर लौटा। एक दूसरे ब्राह्मण ने इसकी बहुश्रुतता से आकृष्ट होकर अपनी सुलालित-पालित पुत्री का विवाह इससे कर डाला। लोगों ने उसे प्रचुर दक्षिणा दी। धीरे-धीरे धन बढ़ा और वह धनाढ्य हो गया। इसने अपनी पत्‍नी के लिए स्वर्ण के आभूषण बनाए। वह सदा आभूषणों को पहने रहती। एक दिन ब्राह्मण बोला—हम इस सीमावर्ती गांव में रह रहे हैं। यहां चोरों का भय रहता है। तुम केवल पर्व दिनों में इन आभूषणों को पहनो तो अच्छा रहेगा, क्योंकि कभी चोर आ भी जाएं तो तुम इनकी सुरक्षा नहीं कर सकोगी। वह बोली—ठीक है। पर जब चोर आएंगे तब मैं इन्हें तत्काल उतार कर छुपा लूंगी। आप चिन्ता न करें।

एक बार उसी गांव में डाका पड़ा। लुटेरों ने इस ब्राह्मण के घर में प्रवेश किया और आभूषणों से अलंकृत उसकी पत्‍नी को पकड़कर गहने खोलने लगे। वह पौष्टिक भोजन की निरंतरता से अत्यधिक स्थूल हो गई थी। पैरों के कड़े, हाथ के कंगन नहीं निकले। चोरों ने उसके हाथ-पैर काटकर गहने ले भाग गए।

२६. मोक्ष की एषणा करने वाले (महेसी)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—मोक्ष की इच्छा करने वाला किया है। बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—महर्षि और मोक्ष की इच्छा करने वाला।

२७. अप्रमत्त होकर विचरण करो (चरमप्पमत्तो)

यहां मकार अलाक्षणिक है। पद है—चर अप्पमत्तो—तुम अप्रमत्त होकर विचरण करो। प्रमाद के परिहार और अपरिहार के द्योतक दृष्टांत इस प्रकार हैं—

एक व्यापारी दूर देश जाने के लिए प्रस्थित हुआ। उसने अपनी पत्‍नी से कहा—मुझे कुछ समय लगेगा। तुम यहां का कारोबार संभाल लेना। कर्मचारियों को व्यवस्थित रूप से काम में लगाए रखना।

व्यापारी परदेश चला गया। उसकी पत्‍नी का सारा समय शरीर के पोषण और श्रृंगार में बीतने लगा। वह अत्यधिक प्रमाद में रहने लगी। कर्मचारियों को न वह समय पर उचित कार्यों में नियोजित करती और न उन्हें उनका वेतन ही समय पर देती। सारे कर्मचारी वहां से चले गए। सारा व्यापार ठप्प हो गया। धन की कमी हो गई। कुछ समय पश्‍चात् सेठ परदेश से लौटा। घर और कारोबार की दुर्दशा को देखकर वह झल्ला उठा। उसने अपनी पत्‍नी को फटकारा, बुरा-भला कहा और उसको घर से निकाल दिया। पत्‍नी के प्रमाद ने सारे घर को चौपट कर डाला।

उसी वणिक् ने प्रचुर धन व्यय कर दूसरी कन्या के साथ विवाह कर लिया। वह चतुर थी। एक बार सेठ पुन: परदेश गया। पत्‍नी अपने कर्मचारियों को यथासमय कार्य का निर्देश देती और उन्हें पूर्वान्ह में और अपरान्ह में भोजन कराती। उनके साथ वह मृदु व्यवहार करती और मासिक वेतन यथासमय चुका देती। सारे कर्मचारी उसके व्यवहार से प्रसन्न थे। वह निरन्तर घर की सार-संभाल करती। अपने शरीर के साज-श्रृंगार में अधिक समय नहीं लगाती। सेठ परदेश से लौटा। वह घर का वातावरण देखकर संतुष्ट हुआ और उसे सब कुछ सौंप दिया।

जो प्रमाद का परिहार नहीं करता वह नष्ट हो जाता है और जो प्रमाद का परिहार कर श्रम में अपने आपको नियोजित करता है, वह स्वामी बन जाता है।

२८. मोहगुणों (मोहगुणे)

इसका अर्थ है—मोह के सहायभूत इन्द्रियों के विषय—शब्द, रूप आदि। जो जानकार व्यक्ति को भी आकुल-व्याकुल कर उन्मार्ग में ले जाता है, वह मोह है। उस मोह को उत्तेजना देने वाले इन्द्रिय-विषय 'गुण' कहलाते हैं।

सांख्य दर्शन प्रकृति और पुरुष—इन दो तत्वों को मुख्य मानता है। प्रकृति के तीन गुण हैं—सत्व, रजस् और तमस्। मोहगुण की तुलना रजस् और तमस् से की जा सकती है।

२९. प्रतिकूल (असमंजसं)

चूर्णिकार ने 'असमंजस' शब्द का बहुवचनान्त प्रयोग किया है। इससे प्रतीत होता है कि उनके सामने 'असमंजसा' पाठ था। उनके अनुसार यह 'फासा' का विशेषण है। इसका अर्थ है—प्रतिकूल, अनभिप्रेत।

बृहद्वृत्ति में 'असमंजसं' को क्रिया-विशेषण मानकर इसका अर्थ—प्रतिकूल किया है। प्रतिकूल स्पर्श असंतुलन पैदा करते हैं। हमने यह भावार्थ ही ग्रहण किया है।

३०. स्पर्श पीड़ित करते हैं (फासा फुसंती)

यहां स्पर्श का अर्थ है—इन्द्रियों के विषय। ये विषय गृहीत होते ही व्यक्ति के साथ संबद्ध हो जाते हैं, उसको पकड़ लेते हैं।

चूर्णिकार के अनुसार सभी इन्द्रिय-विषयों में स्पर्श- इन्द्रिय के विषय को सहन करना अत्यन्त दुष्कर होता है। इसलिए यह प्रधान है।

बृहद्वृत्तिकार ने 'स्पर्श' शब्द के उपादान का औचित्य बताते हुए कहा है—इन्द्रियों के पांच विषयों में सबसे दुर्जेय है—स्पर्श विषय। यह व्यापक भी है। इसीलिए इसके ग्रहण से सभी इन्द्रिय-विषय गृहीत हो जाते हैं।

३१. कोमल-अनुकूल (मंदाय)

व्याख्याग्रन्थों में यह शब्द 'मंदा य' (सं० मन्दाश्‍च) ऐसा व्याख्यात है। परन्तु 'मंदाय' यह एक शब्द है। रायपसेणीय सूत्र १७३ और जीवाजीवाभिगम ३/२८५ में यह शब्द इसी रूप में प्राप्त होता है।

'मंद' शब्द के अनेक अर्थ हैं—धीमा, मृदु, हल्का, थोड़ा, छोटा आदि। चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—अल्प और स्त्री।

बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ इस प्रकार हैं—

१. मन्द—मूढ़। हित और अहित को जानने वाले व्यक्ति को भी ये स्पर्श मंद कर देते हैं, अन्यथा बना डालते हैं।

२. स्त्री।

सुखबोधा में भी ये ही दो अर्थ प्राप्त हैं।

डॉ० हरमन जेकोबी ने 'मंदा' का अर्थ बाह्य (external)किया है।

हमने इसका अर्थ कोमल—अनुकूल किया है, जो कि प्रसंग की दृष्टि से संगत है।

३२. निवारण करे (रक्खेज्ज)

यहां 'रक्ष' धातु निवारण के अर्थ में प्रयुक्त है।

३३. जीवन सांधा जा सकता है (संख्या)

चूर्णि में 'संखया' अर्थात् संस्कृत का पहला अर्थ—'संस्कृत वचन वाले अर्थात् सर्वज्ञ में वचन के दोष दिखाने वाले' और दूसरा अर्थ 'संस्कृत बोलने में रुचि रखने वाले' किया गया है।१ शान्त्याचार्य ने इसका एक अर्थ—'संस्कृत सिद्धान्त का प्ररूपण करने वाले'—किया है। उनका संकेत निरन्वयोच्छेदवादी बौद्धों, एकान्त-नित्यवादी सांख्यों और संस्कारवादी स्मृतिकारों की ओर है। बौद्ध लोग वस्तु को एकान्त अनित्य मानकर फिर 'सन्तान' मानते हैं तथा सांख्य उसे एकान्त-नित्य मानकर फिर 'आविर्भाव तिरोभाव' मानते हैं। इसलिए ये दोनों 'संस्कृत धर्मवादी' हैं। स्मृतिकारों के अभिमत में प्राचीन ऋषियों द्वारा निरूपित सिद्धान्त का प्रतिषेध और उसका पुन: संस्कार करके स्मृतियों का निर्माण किया गया—इसलिए वे भी संस्कारवादी हैं।

डॉ० हरमन जेकोबी तथा अन्य विद्वानों ने मूल में 'असंखया' शब्द माना है। डॉ० सांडेसरा ने इसका तात्पर्यार्थ असहिष्णु, असमाधानकारी किया है।

पहले श्‍लोक के पहले चरण में जीवन को असंस्कृत कहा है। उसके संदर्भ में 'संस्कृत' का अर्थ...'जीवन का संस्कार हो सकता है, वह फिर सांधा जा सकता है, ऐसा मानने वाले...' यह अर्थ अधिक उपयुक्त लगता है।

३४ अशिक्षित हैं (तुच्छ)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—अशिक्षित किया है। वृत्ति में इसका अर्थ है—निस्सार वचन कहने वाला, अपनी इच्छानुसार सिद्धान्त की प्ररूपणा करने वाला।

३५. परतंत्र हैं (परज्झा)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है—परतंत्र। 'परज्झ' (स्था० १०/१०८) तथा 'परज्झा'—ये दोनों शब्द इसी अर्थ में व्यवहृत हैं।

चूर्णि में इसके तीन अर्थ प्राप्त हैं—परवश, राग-द्वेष के वशवर्ती तथा अजितेन्द्रिय।

वृत्तिकार ने इसे देशीपद मानकर इसका अर्थ परवश किया है।

३६. दूर रहे (दुगुंछमाणो)

इसका शब्दार्थ है—जुगुप्सा करता हुआ, घृणा करता हुआ। मुनि किसी की निन्दा नहीं करता, किसी से घृणा नहीं करता। इसलिए इस शब्द का यहां तात्पर्य है कि मुनि उन व्यक्तियों को भलीभांति जान ले कि वे उन्मार्गगामी हैं, उनका संसर्ग अभिलषणीय नहीं है।

आचार्य नेमिचन्द्र ने इस प्रसंग में दो गाथाएं उद्धृत की हैं—

'सुट्ठुवि उज्जममाणं, पंचेव करेंति रित्तयं समणं।

अप्पथुई परनिंदा, जिब्भोवत्था कसाया य।।'

—श्रामण्य में परम पुरुषार्थ करने वाले श्रमण को भी ये पांच बातें श्रामण्य से रिक्त कर देती हैं—

(१) स्वप्रशंसा

(२) परनिन्दा

(३) रसलोलुपता

(४) कामवासना

(५) कषाय चतुष्क।

'संतेहिं असंतेहिं परस्स किं जंपिएहिं दोसेहिं।

अत्थो जसो न लब्भइ, सो य अमित्तो कओ होइ।।'

—दूसरों में विद्यमान या अविद्यमान दोषों की चर्चा करने का लाभ ही क्या है? न इससे अर्थ—प्रयोजन ही सिद्ध होता है और न इससे यश ही मिलता है। पर जिसके दोषों की चर्चा की जाती है, वह शत्रु अवश्य बन जाता है।

३७. अन्तिम सांस तक (जाव सरीरभेओ)

आत्मा का शरीर से भिन्न होना या शरीर का आत्मा से शून्य हो जाना शरीरभेद है। यह मरण या विमुक्ति का वाचक है। सामान्य मरण में स्थूल शरीर छूटता है, पर सूक्ष्म शरीर नहीं छूटते। जब मुक्ति होती है तब स्थूल और सूक्ष्म—दोनों प्रकार के शरीर छूट जाते हैं।

एक चोर धनाढ्य व्यक्तियों के घरों में सेंध लगाकर चोरी करता था। वह अपार धन चुराकर अपने घर ले जाता और घर में एक ओर बने कुएं में डाल देता। वह रूपवती कन्याओं के साथ विवाह करने का शौकीन था। वह उस कूप से धन निकालता और मनचाही कन्या से विवाह रचाता। वह कन्या गर्भवती होती तब उसे मारकर वह उसी कुए में डाल देता। वह यह चाहता था कि मेरी पत्‍नी बच्चों की मां होकर दूसरों को मेरे धन की जानकारी न दे, इसलिए वह ऐसा क्रूर कर्म करता। इस प्रकार उसने अनेक कन्याओं की जीवनलीला समाप्त कर डाली। एक बार उसने अतीव रूपवती कन्या को देखा और उसके परिवार को अपार धनराशि देकर उससे विवाह कर लिया। वह गर्भवती हुई। उसने उसे नहीं मारा। उसने पुत्र का प्रसव किया। पुत्र आठ वर्ष का हो गया। चोर ने सोचा, बहुत काल बीत गया है। अब मैं पहले पत्‍नी को मारकर फिर बच्चे को भी मार डालूं तो अच्छा रहेगा। उसने एक दिन अवसर देखकर पत्‍नी को मार डाला। बच्चे ने यह देख लिया। वह भागा और गली में आकर चिल्लाने लगा। पास-पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। लड़के ने कहा—इसने मेरी मां को मार डाला है। राजपुरुषों ने उसे पकड़ लिया। घर की जांच की गई। उन्होंने देखा, कुंआ धन से भरा पड़ा है उसमें हड्डियां भी पड़ी हैं। उसे राजा के समक्ष उपस्थित किया गया। सारा धन उस बच्चे को दे दिया और उस चोर को फांसी पर लटका दिया।

जो पापकारी प्रवृत्तियों से धन एकत्रित करता है और धन को ही सब कुछ मानता है, उसकी यही दशा होती है। धन त्राण नहीं देता।

♦

पांचवां अध्ययन : अकाममरणीय

05

पांचवां अध्ययन : अकाममरणीय

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'अकाममरणिज्जं'—'अकाम- मरणीय' है। निर्युक्ति में इसका दूसरा नाम 'मरणविभत्तीइ'—'मरणविभक्ति' भी मिलता है।

जीवन यात्रा के दो विश्राम हैं—जन्म और मृत्यु। जीवन कला है तो मृत्यु भी उससे कम कला नहीं है। जो जीने की कला जानते हैं और मृत्यु की कला नहीं जानते, वे सदा के लिए अपने पीछे दूषित वातावरण छोड़ जाते हैं। व्यक्ति को कैसा मरण नहीं करना चाहिए, इसका विवेक आवश्यक है। मरण के विविध प्रकारों के उल्लेख इस प्रकार मिलते हैं—

मरण के चौदह भेद

भगवती सूत्र में मरण के दो भेद—बाल और पंडित किए हैं। बाल-मरण के बारह प्रकार हैं और पंडित-मरण के दो प्रकार। कुल मिलाकर चौदह भेद वहां मिलते हैं—

बाल-मरण के बारह भेद हैं:—

(१) वलय

(२) वशार्त्त

(३) अन्त:शल्य

(४) तद्भव

(५) गिरि-पतन

(६) तरु-पतन

(७) जल-प्रवेश

(८) अग्‍नि-प्रवेश

(९) विष-भक्षण

(१०) शस्त्रावपाटन

(११) वैहायस

(१२) गृद्धपृष्ठ।

पंडित-मरण के दो भेद हैं:—

(१) प्रायोपगमन (२) भक्त-प्रत्याख्यान।

मरण के सतरह भेद

समवायांग में मरण के सतरह भेद बतलाए हैं। मूलाराधना में भी मरण के सतरह प्रकारों का उल्लेख है और उनका विस्तार विजयोदयावृत्ति में मिलता है। उक्त परम्पराओं के अनुसार मरण के सतरह प्रकार इस तरह हैं:—

समवायांग मूलाराधना (विजयोदयावृत्ति)
(१) आवीचि-मरण(१) आवीचि-मरण
(२) अवधि-मरण(२) तद्भव-मरण
(३) आत्यन्तिक-मरण(३) अवधि-मरण
(४) वलन्मरण(४) आदि-अन्त-मरण
(५) वशार्त्त-मरण(५) बाल-मरण
(६) अन्त:शल्य-मरण (६) पंडित-मरण
(७) तद्भव-मरण(७) अवसन्न-मरण
(८) बाल-मरण(८) बाल-पंडित-मरण
(९) पण्डित-मरण(९) सशल्य-मरण
(१०) बाल-पंडित-मरण(१०) वलाय-मरण
(११) छद्मस्थ-मरण(११) व्युत्सृष्ट-मरण
(१२) केवलि-मरण(१२) विप्रनास-मरण
(१३) वैहायस-मरण(१३) गृद्धपृष्ठ-मरण
(१४) गृद्धपृष्ठ-मरण(१४) भक्त-प्रत्याख्यान-मरण
(१५) भक्त-प्रत्याख्यान-मरण(१५) प्रायोपगमन-मरण
(१६) इंगिनी-मरण(१६) इंगिनी-मरण
(१७) प्रायोपगमन-मरण(१७) केवली-मरण।

समवायांग के तीसरे, दसवें और पन्द्रहवें मरण के नाम उत्तराध्ययन निर्युक्ति के अनुसार क्रमश: अत्यन्त-मरण, मिश्र-मरण और भक्त-प्रतिज्ञा-मरण हैं। यह केवल शाब्दिक अन्तर है, नामों अथवा क्रम में भी और कोई अन्तर नहीं है।

विजयोदया में क्रम तथा नामों में अन्तर है। 'वैहायस' के स्थान पर 'विप्रनास' तथा 'अन्त:शल्य' और 'आत्यन्तिक' के स्थान पर क्रमश: 'सशल्य' और 'आद्यन्त' नाम उल्लिखित हैं। समवायांग में वशार्त्त-मरण और छद्मस्थ-मरण हैं जबकि विजयोदया में अवसन्न-मरण और व्युत्सृष्ट-मरण। भगवती के उपर्युक्त पांचवें से लेकर दसवें तक के ६ भेद विजयोदया के 'बाल-मरण' भेद में समाविष्ट होते हैं।

उक्त सतरह प्रकार के मरणों की संक्षिप्त व्याख्या इस प्रकार है :—

१. आवीचि-मरण—आयुकर्म के दलिकों की विच्युति अथवा प्रतिक्षण आयु की विच्युति, आवीचि-मरण कहलाता है।

वीचि का अर्थ है—तरंग। समुद्र और नदी में प्रतिक्षण लहरें उठती हैं। वैसे ही आयु-कर्म भी प्रतिसमय उदय में आता है। आयु का अनुभव करना जीवन का लक्षण है।

प्रत्येक समय का जीवन प्रतिसमय में नष्ट होता है। यह प्रत्येक समय का मरण आवीचि-मरण कहलाता है।

द्रव्य, क्षेत्र, काल, भव और भाव की अपेक्षा से आवीचि-मरण के पांच प्रकार हैं।

२. अवधि-मरण—जीव एक बार नरक आदि जिस गति में जन्म-मरण करता है, उसी गति में दूसरी बार जब-कभी जन्म-मरण करता है तो उसे अवधि-मरण कहा जाता है।

३. आत्यन्तिक-मरण—जीव वर्तमान आयु-कर्म के पुद्गलों का अनुभव कर मरण प्राप्त हो, फिर उस भाव में उत्पन्न न हो तो उस मरण को आत्यन्तिक-मरण कहा जाता है।

वर्तमान मरण—'आदि' और वैसा मरण आगे न होने से उसका 'अन्त'—इस प्रकार इसे 'आद्यन्त-मरण' भी कहा जाता है।

४. वलन्मरण—जो संयमी जीवन-पथ से भ्रष्ट होकर मृत्यु पाता है, उसकी मृत्यु को वलन्मरण कहा जाता है। भूख से तड़पते हुए मरने को भी वलन्मरण कहा जाता है।

विजयोदया में वलाय-मरण कहा है। इसकी व्याख्या इस प्रकार है—विनय, वैयावृत्य आदि को सत्कार न देने वाले, नित्य नैमित्तिक कार्यों में आलसी, व्रत, समिति और गुप्ति के पालन में अपनी शक्ति को छिपाने वाले, धर्म-चिन्तन के समय नींद लेने वाले, ध्यान और नमस्कार आदि से दूर भागने वाले व्यक्ति के मरण को वलाय-मरण कहा जाता है।

५. वशार्त्त-मरण—दीप-कलिका में शलभ की तरह जो इन्द्रियों के वशीभूत होकर मृत्यु पाते हैं, उसे 'वशार्त्त-मरण' कहा जाता है।

विजयोदया में भी यह नाम मिलता है। यह मरण आर्त्त और रौद्र ध्यान में प्रवृत्त रहने वालों के होता है। इसके चार भेद हैं—इन्द्रिय-वशार्त्त, वेदना-वशार्त्त, कषाय-वशार्त्त और नो-कषाय-वशार्त्त।

६. अन्त:शल्य मरण—भगवती की वृत्ति में इसके दो भेद किए गए हैं—(१) द्रव्य और (२) भाव। शरीर में शस्त्र की नोक आदि रहने से जो मृत्यु होती है वह द्रव्य अन्त:शल्य-मरण कहलाता है। लज्जा और अभिमान आदि के कारण अतिचारों की आलोचना न कर दोषपूर्ण स्थिति में मरने वाले की मृत्यु को भाव अन्त:शल्य-मरण कहा जाता है।

विजयोदया में इसका नाम सशल्य-मरण है। उसके भी दो भेद हैं—द्रव्य शल्य और भाव शल्य। मिथ्यादर्शन, माया और निदान—इन तीनों शल्यों की उत्पत्ति के हेतुभूत कर्म को द्रव्य शल्य कहा जाता है। द्रव्य शल्य की दशा में होने वाला मरण द्रव्य शल्य-मरण कहलाता है। यह मरण पांच स्थावर और अमनस्क त्रस जीवों के होता है। उक्त तीन शल्यों के हेतुभूत कर्मों के उदय से जीव में जो माया, निदान और मिथ्यात्व का परिणाम होता है, उसे भाव शल्य कहा जाता है। इस दशा में होने वाला मरण भाव शल्य-मरण कहा जाता है।

जहां भाव शल्य है वहां द्रव्य शल्य अवश्य होता है, किन्तु भाव शल्य केवल समनस्क जीवों में ही होता है। अमनस्क जीवों में संकल्प या चिन्तन नहीं होता, इसलिए उनके केवल द्रव्य शल्य ही होता है। इसीलिए अमनस्क जीवों के मरण को द्रव्य शल्य-मरण और समनस्क जीवों के मरण को भाव शल्य-मरण कहा गया है।

भविष्य में मुझे अमुक वस्तु मिले, आदि-आदि मानसिक संकल्पों को निदान कहते हैं। निदान-शल्य-मरण असंयत सम्यक्-दृष्टि और श्रावक के होता है।

मार्ग (ज्ञान, दर्शन, चारित्र) को दूषित करना, मार्ग का नाश करना, उन्मार्ग की प्ररूपणा करना, मार्ग में स्थित लोगों का बुद्धि-भेद करना—इन सबको एक शब्द में मिथ्यादर्शन-शल्य कहा जाता है।

पार्श्‍वस्थ, कुशील, संसक्त आदि मुनि धर्म से भ्रष्ट होकर मरण-समय तक दोषों की आलोचना किए बिना जो मृत्यु पाते हैं, उसे माया-शल्य-मरण कहा जाता है। यह मरण मुनि, श्रावक और असंयत सम्यक्-दृष्टि को प्राप्त होता है।

७. तद्भव-मरण—वर्तमान भव (जन्म) से मृत्यु होती है, उसे तद्भव-मरण कहा जाता है।

८. बाल-मरण—मिथ्यात्वी और अविरत सम्यक्दृष्टि का मरण बाल-मरण कहलाता है। भगवती में बाल-मरण के १२ भेद प्राप्त हैं। विजयोदया में पांच भेद किए हैं—(१) अव्यक्त-बाल (२) व्यवहार-बाल (३) ज्ञान-बाल (४) दर्शन-बाल और (५) चारित्र-बाल। इनकी व्याख्या संक्षेप में इस प्रकार है :—

(१) अव्यक्त-बाल—छोटा बच्चा। जो धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को नहीं जानता तथा इन चार पुरुषार्थों का आचरण करने में भी समर्थ नहीं होता।

(२) व्यवहार-बाल—लोक-व्यवहार, शास्त्र-ज्ञान आदि को जो नहीं जानता।

(३) ज्ञान-बाल—जो जीव आदि पदार्थों को यथार्थ रूप से नहीं जानता।

(४) दर्शन-बाल—जिसकी तत्त्वों के प्रति श्रद्धा नहीं होती। दर्शन-बाल के दो भेद हैं—इच्छा-प्रवृत्त और अनिच्छा-प्रवृत्त। इच्छा-प्रवृत्त—अग्‍नि, धूप, शस्त्र, विष, पानी, पर्वत से गिरकर, श्‍वासोच्छ्वास को रोक कर, अति सर्दी या गर्मी होने से, भूख और प्यास से, जीभ को उखाड़ने से, प्रकृत्तिविरुद्ध आहार करने से—इन साधनों के द्वारा जो इच्छा से प्राण-त्याग करता है, वह इच्छा-प्रवृत्त दर्शन-बाल-मरण कहलाता है। अनिच्छा-प्रवृत्त—योग्यकाल में या अकाल में मरने की इच्छा के बिना जो मृत्यु होती है, वह अनिच्छा-प्रवृत्त दर्शन-बाल-मरण कहलाता है।

(५) चारित्र-बाल—जो चरित्र से हीन होता है। विषयों में आसक्त, दुर्गति में जाने वाले, अज्ञानान्धकार से आच्छादित, ऋद्धि में आसक्त, रसों में आसक्त और सुख के अभिमानी जीव बाल-मरण से मरते हैं।

९. पंडित-मरण—संयति का मरण पंडित-मरण कहलाता है। विजयोदया में इसके चार भेद किए हैं—

(१) व्यवहार-पंडित

(२) सम्यक्त्व-पंडित

(३) ज्ञान-पंडित

(४) चारित्र-पंडित।

इनकी व्याख्या इस प्रकार है :

(१) व्यवहार-पंडित—जो लोक, वेद और समय के व्यवहार में निपुण, उनके शास्त्रों का ज्ञाता और शुश्रूषा आदि गुणों से युक्त हो।

(२) दर्शन-पंडित—जो सम्यक्त्व से युक्त हो।

(३) ज्ञान-पंडित—जो ज्ञान से युक्त हो।

(४) चारित्र-पंडित—जो चारित्र से युक्त हो।

१०. बाल-पंडित-मरण—संयतासंयत का मरण बाल-पंडित-मरण कहलाता है। स्थूल हिंसा आदि पांच पापों के त्याग तथा सम्यक्-दर्शन युक्त होने से वह पंडित है। सूक्ष्म असंयम से निवृत्त न होने के कारण उसमें बालत्व भी है।

११. छद्मस्थ-मरण—मन:पर्यवज्ञानी, अवधिज्ञानी, श्रुतज्ञानी और मतिज्ञानी श्रमण के मरण को छद्मस्थ-मरण कहा जाता है।

विजयोदया में इसके स्थान पर 'ओसण्ण-मरण' नाम मिलता है। उसकी व्याख्या इस प्रकार है—रत्‍नत्रय में विहार करने वाले मुनियों के संघ से जो अलग हो गया हो उसे 'अवसन्न' कहते हैं। उसके मरण को अवसन्न-मरण कहा जाता है। पार्श्‍वस्थ, स्वच्छन्द, कुशील, संसक्त और अवसन्न—ये पांच भ्रष्ट मुनि 'अवसन्न' कहलाते हैं। ये ऋद्धि में आसक्त, दु:ख से भयभीत, कषायों में परिणत हो आहार आदि संज्ञाओं के वशवर्ती, पाप शास्त्रों के अध्येता, तेरह क्रिया (३ गुप्ति, ५ समिति और ५ महाव्रत) में आलसी, संक्लिष्ट-परिणामी, भक्तपान और उपकरणों में आसक्त, निमित्त, तंत्र-मंत्र और औषध से आजीविका करने वाले, गृहस्थों का वैयावृत्य करने वाले, उत्तर गुणों से हीन, गुप्ति और समिति में अनुद्यत, संसार के दु:खों से भय न करने वाले, क्षमा आदि दश धर्मों में प्रवृत्त न होने वाले तथा चारित्र में दोष लगाने वाले होते हैं। ये अवसन्न मुनि मर कर हजारों भवों में भ्रमण करते हैं और दु:खों को भोगते हुए जीवन को पूरा करते हैं।

१२. केवलि-मरण—केवलज्ञानी का मरण केवलि-मरण कहलाता है।

१३. वैहायस-मरण—वृक्ष की शाखा पर लटकने, पर्वत से गिरने और झंपा लेने आदि कारण से होने वाला मरण वैहायस मरण कहलाता है। विजयोदया में इसके स्थान पर 'विप्रणास-मरण' है।

१४. गृद्धपृष्ठ-मरण—हाथी आदि के कलेवर में प्रविष्ट होने पर उस कलेवर के साथ-साथ उस जीवित शरीर को भी गीध आदि नोंच-नोंच कर मार डालते हैं, उस स्थिति में जो मरण होता है, वह गृद्धपृष्ठ-मरण कहलाता है।

१५. भक्त-प्रत्याख्यान-मरण—यावज्जीवन के लिए त्रिविध अथवा चतुर्विध आहार के त्यागपूर्वक जो मरण होता है, उसे भक्त-प्रत्याख्यान-मरण कहा जाता है।

१६. इंगिनी-मरण—प्रतिनियत स्थान पर अनशनपूर्वक मरण को इंगिनी-मरण कहते हैं। जिस मरण में अपने अभिप्राय से स्वयं अपनी शुश्रूषा करे, दूसरे मुनियों से सेवा न ले उसे इंगिनी-मरण कहा जाता है। यह मरण चतुर्विध आहार का प्रत्याख्यान करने वाले के ही होता है।

१७. प्रायोपगमन, पादपोपगमन, पादोपगमन-मरण—अपनी परिचर्या न स्वयं करे और न दूसरों से कराए, ऐसे मरण को प्रायोपगमन अथवा प्रायोग्य-मरण कहते हैं। वृक्ष के नीचे स्थिर अवस्था में चतुर्विध आहार के त्यागपूर्वक जो मरण होता है, उसे पादपोपगमन-मरण कहते हैं। अपने पांवों के द्वारा संघ से निकल कर और योग्य प्रदेश में जाकर जो मरण किया जाता है उसे पादोपगमन-मरण कहा जाता है। इस मरण को चाहने वाले मुनि अपने शरीर की परिचर्या न स्वयं करते हैं और न दूसरों से करवाते हैं। कहीं 'पाउग्गमण' (प्रायोग्य) पाठ भी आता है। भव का अन्त करने योग्य संहनन और संस्थान को 'प्रायोग्य' कहा जाता है। उसकी प्राप्ति को 'प्रायोग्य-गमन' कहा है। विशिष्ट संहनन और विशिष्ट संस्थान वाले के मरण को प्रायोग्य-गमन-मरण कहा जाता है।

श्‍वेताम्बर परम्परा में 'पादपोपगमन' शब्द मिलता है और दिगम्बर परम्परा में 'प्रायोपगमन', 'प्रायोग्य' और 'पादोपगमन' पाठ मिलता है।

भगवती में पादपोपगमन के दो भेद किए हैं—निर्हारि और अनिर्हारि। निर्हारि—इसका अर्थ है बाहर निकालना। उपाश्रय में मरण प्राप्त करने वाले साधु के शरीर को वहां से बाहर ले जाना होता है, इसलिए उस मरण को निर्हारि कहते हैं। अनिर्हारि—अरण्य में अपने शरीर का त्याग करने वाले साधु के शरीर को बाहर ले जाना नहीं पड़ता, इसलिए उसे अनिर्हारि-मरण कहा जाता है।

भगवती में इंगिनी-मरण को भक्त-प्रत्याख्यान का एक प्रकार स्वीकार कर उसकी स्वतंत्र व्याख्या नहीं की है। मूलाराधना में भक्त-प्रत्याख्यान, इंगिनी और प्रायोपगमन—ये तीनों पंडित मरण के भेद माने गए हैं।

उपर्युक्त सतरह मरण विभिन्न विवक्षाओं से प्रतिपादित हैं। आवीचि, अवधि, आत्यन्तिक और तद्भव-मरण भव की दृष्टि से, वलन्, वैहायस, गृद्धपृष्ठ, वशार्त्त और अन्त:शल्य-मरण आत्म-दोष, कषाय आदि की दृष्टि से, बाल और पण्डित मरण चारित्र की दृष्टि से, छद्मस्थ और केवलि-मरण ज्ञान की दृष्टि से तथा भक्त-प्रत्याख्यान, इंगिनी और प्रायोपगमन-मरण अनशन की दृष्टि से प्रतिपादित हैं।

उपर्युक्त सतरह मरणों में आवीचि मरण प्रतिपल होता है और सिद्धों को छोड़ सब प्राणियों के होता है। शेष मरण जीव-विशेषों के होते हैं।

एक समय में कितने मरण होते हैं? इस प्रश्‍न का उत्तर उत्तराध्ययन की निर्युक्ति में है। एक समय में दो मरण, तीन मरण, चार मरण और पांच मरण भी होते हैं। बाल, बाल-पंडित और पंडित की अपेक्षा से वे इस प्रकार हैं—

बाल की अपेक्षा

(१) एक समय में दो मरण—अवधि और आत्यन्तिक में से एक और दूसरा बाल-मरण।

(२) एक समय में तीन मरण—जहां तीन होते हैं वहां तद्भव-मरण और बढ़ जाता है।

(३) एक समय में चार मरण—जहां चार होते हैं वहां वशार्त्त-मरण और बढ़ जाता है।

(४) एक समय में पांच मरण—जहां आत्मघात करते हैं वहां वैहायस और गृद्धपृष्ठ में से कोई एक बढ़ जाता है। वलन्मरण और शल्य-मरण को बाल-मरण के अन्तर्गत स्वीकार किया है।

पंडित की अपेक्षा

पंडित-मरण की विवक्षा दो प्रकार से की है—दृढ़ संयमी पंडित और शिथिल संयमी पंडित।

(क) दृढ़ संयमी पंडित

(१) जहां दो मरण एक समय में होते हैं वहां अवधि-मरण और आत्यन्तिक-मरण में से कोई एक होता है क्योंकि दोनों परस्पर विरोधी हैं। दूसरा पंडित-मरण।

(२) जहां तीन मरण एक साथ होते हैं, वहां छद्मस्थ-मरण और केवलि-मरण में से एक बढ़ जाता है।

(३) जहां चार मरण की विवक्षा है, वहां भक्त-प्रत्याख्यान, इंगिनी और पादोपगमन में से एक बढ़ जाता है।

(४) जहां पांच मरण की विवक्षा है, वहां वैहायस और गृद्ध-पृष्ठ में से एक मरण बढ़ जाता है।

(ख) शिथिल संयमी पंडित

(१) जहां दो मरण की एक समय में विवक्षा है, वहां अवधि और आत्यन्तिक में से एक और किसी कारणवश वैहायस और गृद्धपृष्ठ में से एक।

(२) कथंचिद् शल्य-मरण होने से तीन भी हो जाते हैं।

(३) जहां वलन्मरण होता है वहां एक साथ चार हो जाते हैं।

(४) छद्मस्थ-मरण की जहां विवक्षा होती है, वहां एक साथ पांच मरण हो जाते हैं।

भक्त-प्रत्याख्यान, इंगिनी और प्रायोपगमन-मरण विशुद्ध संयम वाले पंडितों के ही होता है। दोनों प्रकार के पंडित-मरण की विवक्षा में तद्भव-मरण नहीं लिया गया है, क्योंकि वे देवगति में ही उत्पन्न होते हैं।

बाल-पंडित की अपेक्षा

(१) जहां दो मरण की एक समय में विवक्षा है, वहां अवधि और आत्यन्तिक में से कोई एक और बाल-पंडित।

(२) तद्भव-मरण साथ होने से तीन मरण।

(३) वशार्त्त-मरण साथ होने से चार मरण।

(४) कथंचिद् आत्मघात करने वाले के वैहायस और गृद्ध-पृष्ठ में से एक साथ होने से पांच।

३. मरण के दो भेद

गोम्मटसार में मरण के दो भेद किए गए हैं—(१) कदलीघात (अकालमृत्यु) और (२) संन्यास। विष-भक्षण, विषैले जीवों के काटने, रक्तक्षय, धातुक्षय, भयंकर वस्तुदर्शन तथा उससे उत्पन्न भय, वस्त्रघात, संक्लेश क्रिया, श्‍वासोच्छ्वास के अवरोध और आहार न करने से समय में जो शरीर छूटता है, उसे कदलीघात-मरण कहा जाता है। कदलीघात सहित अथवा कदलीघात के बिना जो संन्यास रूप परिणामों से शरीर-त्याग होता है, उसे त्यक्त-शरीर कहते हैं। त्यक्त-शरीर के तीन भेद हैं—(१) भक्त-प्रतिज्ञा, (२) इंगिनी और (३) प्रायोग्य। इनकी व्याख्या इस प्रकार है—

(१) भक्त-प्रतिज्ञा—भोजन का त्याग कर जो संन्यास मरण किया जाता है, उसे 'भक्त-प्रतिज्ञा-मरण' कहा जाता है। इसके तीन भेद हैं—जघन्य, मध्यम और उत्कृष्ट। जघन्य का कालमान अन्तर्मुहूर्त है, उत्कृष्ट का १२ वर्ष और शेष का मध्यवर्ती।

(२) इंगिनी—अपने शरीर की परिचर्या स्वयं करे, दूसरों से सेवा न ले, इस विधि से जो संन्यास धारण पूर्वक मरण होता है उसे 'इंगिनी-मरण' कहा जाता है।

(३) प्रायोग्य, प्रायोपगमन—अपने शरीर की परिचर्या न स्वयं करे और न दूसरों से कराए, ऐसे संन्यास पूर्वक मरण को प्रायोग्य या प्रायोपगमन-मरण कहा है।

४. मरण के पांच भेद

मूलाराधना में दूसरे प्रकार से भी मरण-विभाग प्राप्त होता है—

१. पंडित-पंडित-मरण

२. पंडित-मरण

३. बाल-पंडित-मरण

४. बाल-मरण

५. बाल-बाल-मरण।

प्रस्तुत अध्ययन में मरण के दो प्रकार बतलाए गए हैं। इस अध्ययन का प्रतिपाद्य है अकाम-मृत्यु का परिहार और सकाम-मृत्यु का स्वीकरण।

पंचमं अज्झयणं : अकाममरणिज्जं

पांचवां अध्ययन : अकाममरणीय

मूल

१. अण्णवंसि महोहंसि, एगे तिण्णे दुरुत्तरं।

तत्थ एगे महापण्णे, इमं पट्ठमुदाहरे।।

हिन्‍दी अनुवाद

इस महा प्रवाह वाले दुस्तर संसार-समुद्र से१ कई तिर गए। उसमें एक महाप्रज्ञ२ (महावीर) ने इस प्रश्‍न३ का व्याकरण किया।

२. संतिमे य दुवे ठाणा, अक्खाया मारणंतिया।

अकाममरणं चेव, सकाममरणं तहा।।

मृत्यु के दो स्थान कथित हैं—अकाम-मरण और सकाम-मरण।४

३. बालाणं अकामं तु, मरणं असइं भवे।

पंडियाणं सकामं तु, उक्कोसेण सइं भवे।।

बाल जीवों के अकाम-मरण बार-बार होता है। पण्डितों के सकाम-मरण उत्कर्षत: एक बार होता है।५

४. तत्थिमं पढमं ठाणं, महावीरेण देसियं।

कामगिद्धे जहा बाले, भिसं कूराइं कुव्वई।।

महावीर ने उन दो स्थानों में पहला स्थान यह कहा है, जैसे—कामासक्त बाल-जीव बहुत क्रूर-कर्म करता है।६

५. जे गिद्धे कामभोगेसु, एगे कूडाय गच्छई।

न मे दिट्ठे परे लोए, चक्खुदिट्ठा इमा रई।।

जो कोई कामभोगों में७ आसक्त होता है, उसकी गति मिथ्या भाषण८ की ओर हो जाती है। वह कहता है—परलोक तो मैंने देखा नहीं, यह रति (आनन्द)९ तो चक्षु-दृष्ट है—आंखों के सामने है।१०

६. हत्थागया इमे कामा, कालिया जे अणागया।

को जाणइ परे लोए, अत्थि वा नत्थि वा पुणो?

ये कामभोग हाथ में आए हुए हैं। भविष्य में होने वाले संदिग्ध हैं।११ कौन जानता है—परलोक है या नहीं?

७. जणेण सद्धिं होक्खामि, इइ बाले पगब्भई।

काम-भोगाणुराएणं, केसं संपडिवज्जई।।

''मैं लोक समुदाय के साथ रहूंगा'' (जो गति उनकी होगी वही मेरी)—ऐसा मानकर बाल—अज्ञानी मनुष्य धृष्ट बन जाता है। वह काम-भोग के अनुराग से क्लेश१२ (संक्लिष्ट परिणाम) को प्राप्त करता है।

८. तओ से दंडं समारभई, तसेसु थावरेसु य।

अट्ठाए य अणट्ठाए, भूयग्गामं विहिंसई।।

फिर वह त्रस तथा स्थावर जीवों के प्रति दण्ड का प्रयोग करता है और प्रयोजनवश अथवा बिना प्रयोजन ही१३ प्राणी-समूह की१४ हिंसा करता है।

९. हिंसे बाले मुसावाई, माइल्ले पिसुणे सढे।

भुंजमाणे सुरं मंसं, सेयमेयं ति मन्नई।।

हिंसा करने वाला, झूठ बोलने वाला, छल-कपट करने वाला, चुगली खाने वाला, वेश-परिवर्तन कर अपने आपको दूसरे रूप में प्रगट करने वाला१५ अज्ञानी मनुष्य मद्य और मांस का भोग करता है और 'यह श्रेय है'—ऐसा मानता है।

१०. कायसा वयसा मत्ते, वित्ते गिद्धे य इत्थिसु।

दुहओ मलं संचिणइ, सिसुणागु व्व मट्टियं।।

वह शरीर और वाणी से मत्त होता है। धन और स्त्रियों में गृद्ध होता है। वह आचरण और चिंतन—दोनों से उसी प्रकार कर्म-मल का संचय करता है जैसे शिशुनाग (अलस या केंचुआ) मुख और शरीर—दोनों से मिट्टी का।१६

११. तओ पुट्ठो आयंकेणं, गिलाणो परितप्पई।

पभीओ परलोगस्स, कम्माणुप्पेहि अप्पणो।।

फिर वह आतंक से१७ स्पृष्ट होने पर ग्लान बना हुआ परिताप करता है। अपने कर्मों का चिन्तन कर परलोक से भयभीत होता है।१८

१२. सुया मे नरए ठाणा, असीलाणं च जा गई।

बालाणं कूरकम्माणं, पगाढा जत्थ वेयणा।।

वह सोचता है—मैंने उन नारकीय स्थानों१९ के विषय में सुना है, जो शील रहित तथा क्रूर-कर्म करने वाले अज्ञानी मनुष्यों की अन्तिम गति हैं और जहां प्रगाढ़ वेदना है।२०

१३. तत्थोववाइयं ठाणं, जहा मेयमणुस्सुयं।

आहाकम्मेहिं गच्छंतो, सो पच्छा परितप्पई।।

उन नरकों में जैसा औपपातिक२१ (उत्पन्न होने का) स्थान है, वैसा मैंने सुना है। वह आयुष्य क्षीण होने पर अपने कृत-कर्मों के अनुसार२२ वहां जाता हुआ अनुताप करता है।

१४. जहा सागडिओ जाणं, समं हिच्चा महापहं।

विसमं मग्गमोइण्णो, अक्खे भग्गंमि सोयई।।

जैसे कोई गाड़ीवान् समतल राजमार्ग को जानता हुआ भी उसे छोड़कर विषम मार्ग से चल पड़ता है और गाड़ी की धुरी२३ टूट जाने पर शोक करता है।

१५. एवं धम्मं विउक्कम्म, अहम्मं पडिवज्जिया।

बाले मच्चुमुहं पत्ते, अक्खे भग्गे व सोयई।।

इसी प्रकार धर्म का उल्लंघन कर, अधर्म को स्वीकार कर, मृत्यु के मुख में पड़ा हुआ अज्ञान धुरी टूटे हुए गाड़ीवान् की तरह शोक करता है।

१६. तओ से मरणंतंमि, बाले संतस्सई भया।

अकाममरणं मरई, धुत्ते व कलिना जिए।।

फिर मरणान्त के समय वह अज्ञानी मनुष्य परलोक के भय से संत्रस्त होता है और एक ही दाव में२४ हार जाने वाले जुआरी२५ की तरह शोक करता हुआ अकाम-मरण से मरता है।

१७. एयं अकाममरणं, बालाणं तु पवेइयं।

एत्तो सकाममरणं, पंडियाणं सुणेह मे।।

यह अज्ञानियों के अकाम-मरण का प्रतिपादन किया गया है। अब पण्डितों के सकाम-मरण का मुझसे सुनो।२६

१८. मरणं पि सपुण्णाणं, जहा मेयमणुस्सुयं।

विप्पसण्णमणाघायं, संजयाण वुसीमओ।।

जैसा मैंने सुना भी है—पुण्यशाली, संयमी और जितेन्द्रिय पुरुषों का२७ मरण प्रसन्न२८ और आघात रहित होता है।

१९. न इमं सव्वेसु भिक्खूसु, न इमं सव्वेसुगारिसु।

नाणासीला अगारत्था, विसमसीला य भिक्खुणो।।

यह सकाम-मरण न सब भिक्षुओं को प्राप्त होता है और न सभी गृहस्थों को। क्योंकि गृहस्थ विविध प्रकार के शील वाले२९ होते हैं और भिक्षु भी विषम-शील वाले३० होते हैं।

२०. संति एगेहिं भिक्खूहिं, गारत्था संजमुत्तरा।

गारेत्थेहि य सव्वेहिं, साहवो संजमुत्तरा।।

कुछ भिक्षुओं से गृहस्थों का संयम प्रधान होता है। किन्तु साधुओं का संयम सब गृहस्थों से प्रधान होता है।३१

२१. चीराजिणं नगिणिणं, जडी-संघाडि-मुंडिणं।

एयाणि वि न तायंति, दुस्सीलं परियागयं।।

चीवर, चर्म, नग्‍नत्व, जटाधारीपन, संघाटी (उत्तरीय वस्त्र) और सिर मुंडाना—ये सब दुष्टशील वाले साधु की३२ रक्षा नहीं करते।३३

२२. पिंडोलए व दुस्सीले, नरगाओ न मुच्चई।

भिक्खाए वा गिहत्थे वा, सुव्वए कम्मई दिवं।।

भिक्षा से जीवन चलाने वाला भी यदि दु:शील हो तो वह नरक से नहीं छूटता।३४ भिक्षु हो या गृहस्थ, यदि वह सुव्रती है तो स्वर्ग में जाता है।३५

२३. अगारि-सामाइयंगाइं, सड्ढी काएण फासए।

पोसहं दुहओ पक्खं, एगरायं न हावए।।

श्रद्धालु श्रावक गृहस्थ-सामायिक के अंगों का३६ आचरण करे। दोनों पक्षों में किए जाने वाले पौषध को३७ एक दिन-रात के लिए भी न छोड़े।

२४. एवं सिक्खा-समावन्ने, गिहवासे वि सुव्वए।

मुच्चई छवि-पव्वाओ, गच्छे जक्ख-सलोगयं।।

इस प्रकार व्रतों के आसेवन की शिक्षा से समापन्न सुव्रती मनुष्य गृहवास में रहता हुआ भी औदारिक शरीर३८ से मुक्त होकर यक्ष-सलोकता को प्राप्त होता है३९—देवलोक में चला जाता है।

२५. अह जे संवुडे भिक्खू, दोण्हं अन्नयरे सिया।

सव्वदुक्खप्पहीणे वा, देवे वावि महड्ढिए।।

जो संवृत भिक्षु होता है, वह दोनों में से एक होता है—सब दु:खों से मुक्त या महान् ऋद्धि वाला देव।

२६. उत्तराइं विमोहाइं, जुइमंताणुपुव्वसो।

समाइण्णाइं जक्खेहिं, आवासाइं जसंसिणो।।

देवताओं के आवास उत्तरोत्तर४० उत्तम४१ मोह रहित४२ और द्युतिमान् तथा देवों से आकीर्ण होते हैं। उनमें रहने वाले देव यशस्वी—

२७. दीहाउया इड्ढिमंता, समिद्धा कामरूविणो।

अहुणोववन्न-संकासा, भुज्जो अच्चिमालिप्पभा।।

दीर्घायु, ऋद्धिमान्, दीप्तिमान्,४३ इच्छानुसार रूप धारण करने वाले, अभी उत्पन्न हुए हों—ऐसी कान्ति वाले४४ और सूर्य के समान अति-तेजस्वी होते हैं।

२८. ताणि ठाणाणि गच्छंति, सिक्खित्ता संजमं तवं।

भिक्खाए वा गिहत्थे वा, जे संति परिनिव्वुडा।।

जो उपशान्त होते हैं,४५ वे संयम और तप का अभ्यास कर उन देव-आवासों में जाते हैं, भले फिर वे भिक्षु हों या गृहस्थ।

२९. तेसिं सोच्चा सपुज्जाणं, संजयाण वुसीमओ।

न संतसंति मरणंते, सीलवंता बहुस्सुया।।

उन सत्-पूजनीय, संयमी और जितेन्द्रिय भिक्षुओं का पूर्वोक्त विवरण सुनकर शीलवान् और बहुश्रुत भिक्षु मरणकाल में भी संत्रस्त नहीं होते।४६

३०. तुलिया विसेसमादाय, दयाधम्मस्स खंतिए।

विप्पसीएज्ज मेहावी, तहाभूएण अप्पणा।।

मेधावी मुनि अपने आपको तोल कर, अकाम और सकाम-मरण के भेद को जानकर अहिंसा धर्मोचित सहिष्णुता४७ और तथाभूत (उपशान्त मोह)४८ आत्मा के द्वारा प्रसन्न रहे—मरण-काल में उद्विग्‍न न बने।४९

३१. तओ काले अभिप्पेए, सड्ढी तालिसमंतिए।

विणएज्ज लोमहरिसं, भेयं देहस्स कंखए।।

जब मरण अभिप्रेत हो,५० उस समय जिस श्रद्धा से मुनि-धर्म या संलेखना को स्वीकार किया, वैसी ही श्रद्धा रखने वाला भिक्षु गुरु के समीप कष्टजनित रोमांच को५१ दूर करे, शरीर के भेद की प्रतीक्षा करे—उनकी सार संभाल न करे।५२

३२. अह कालंमि संपत्ते, आघायाय समुस्सयं।

सकाममरणं मरई, तिण्हमन्नयरं मुणी।।

वह मरणकाल प्राप्त होने पर५३ संलेखना के द्वारा शरीर का त्याग करता है,५४ भक्त-प्रतिज्ञा, इङ्गिनी या प्रायोपगमन—इन तीनों में से किसी एक को५५ स्वीकार कर सकाम-मरण से मरता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ५ : अकाममरणीय

१. महाप्रवाह वाले...संसार समुद्र से (अण्णवंसि महोहंसि)

संस्कृत कोश में पानी का एक नाम है 'अर्णस्'। यह सकारान्त शब्द है। व्याकरण के अनुसार 'सकार' का लोपकर 'वकार' का आदेश करने पर 'अर्णव' शब्द निष्पन्न होता है। इसका अर्थ है—समुद्र। प्रस्तुत प्रकरण में भाव अर्णव का प्रसंग है। इसका अर्थ होगा—संसार रूपी समुद्र।

ओघ का अर्थ है—प्रवाह। इसका प्रयोग अनेक संदर्भों में होता है, जैसे—जल का प्रवाह, जन्म-मरण का प्रवाह, दर्शनों या मतों का प्रवाह आदि।

प्रस्तुत प्रकरण में 'ओघ' शब्द जल-प्रवाह के अर्थ में प्रयुक्त है।

२. महाप्रज्ञ (महापन्ने)

इसका अर्थ है—महान् प्रज्ञावान्। वृत्तिकार ने प्रकरणवश इसका अर्थ केवलज्ञानी, तीर्थंकर किया है।

३. प्रश्‍न (पट्ठं)

इसके संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—पृष्ट और स्पष्ट। पृष्ट का अर्थ है—पूछना या प्रश्‍न और स्पष्ट का अर्थ है—स्पष्ट, असंदिग्ध। इसके स्थान पर 'पण्हं' पाठ भी मिलता है। उसका अर्थ है—प्रश्‍न, जिज्ञासा।

चूर्णि और वृत्ति में 'पट्ठं' का अर्थ स्पष्ट, असंदिग्ध किया है।

४. (अकाममरणं.....सकाममरणं)

अकाममरण—जो व्यक्ति विषय में आसक्त होने के कारण मरना नहीं चाहता किन्तु आयु पूर्ण होने पर वह मरता है, उसका मरण विवशता की स्थिति में होता है इसलिए उसे अकाममरण कहा जाता है। इसे बालमरण (अविरति का मरण) भी कहा जा सकता है।

सकाममरण—जो व्यक्ति विषयों के प्रति अनासक्त होने के कारण मरण-काल में भयभीत नहीं होता किन्तु उसे जीवन की भांति उत्सव-रूप मानता है, उस व्यक्ति के मरण को सकाममरण कहा जाता है। इसे पंडितमरण (विरति का मरण) भी कहा जा सकता है।

५. (श्‍लोक ३)

इस श्‍लोक में कहा गया है कि पंडित (चरित्रवान्) व्यक्तियों का 'सकाममरण' एक बार ही होता है। यह कथन 'केवली' की अपेक्षा से ही है। अन्य चरित्रवान् मुनियों का 'सकाममरण' सात-आठ बार हो सकता है।

इसमें आए हुए बाल और पंडित शब्दों का विशेष अर्थ है। जिस व्यक्ति के कोई व्रत नहीं होता उसे बाल कहा जाता है। सर्वव्रती व्यक्ति को पंडित कहा जाता है।

६. (कामगिद्धे......कूराइं कुव्वई)

धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—यह पुरुषार्थ-चतुष्टयी दो युगलों में विभक्त है। एक युगल है धर्म और मोक्ष का और दूसरा युगल है अर्थ और काम का। पहले युगल में धर्म साधन है और मोक्ष साध्य तथा दूसरे युगल में अर्थ (धन) साधन है और काम साध्य। इनके आधार पर दो विचारधाराएं बनीं—लौकिक और आध्यात्मिक। लौकिक धारा ने अर्थ और काम के आधार पर जीवन की व्याख्या की और आध्यात्मिक धारा ने धर्म और मोक्ष के आधार पर जीवन की व्याख्या की। दोनों की समन्विति ही जीवन की समग्रता है।

दो वाद प्रचलित हैं—सुखवाद और दु:खवाद। सुखवाद का मूल है—काम। व्यक्ति सुख से प्रेरित होकर नहीं, कामना से प्रेरित होकर प्रवृत्ति करता है। महावीर कहते हैं—'कामकामी खलु अयं पुरिसे'—यह मनुष्य काम (कामना) से प्रेरित होकर प्रवृत्ति करता है। काम ही मनुष्य की प्रेरणा है। फ्रायड ने भी काम को ही सभी प्रवृत्तियों और विकासों का मूल माना है।

यह सच है, मनुष्य कामनाओं से प्रेरित होकर या कामनाओं की संपूर्ति के लिए हिंसा आदि करता है। जब वह कामनाओं में गृद्ध होता है, उनकी पूर्ति की उदग्र अभिलाषा उसमें जागती है, तब वह क्रूर बनता है, क्रूर कर्म करता है। उसमें करुणा का सोता सूख जाता है।

कामनाओं की संपूर्ति का एकमात्र साधन है अर्थ। मनुष्य नानाविध उपायों से अर्थ का अर्जन करता है। वह साधन-शुद्धि के विवेक को भुला बैठता है।

चार पुरुषार्थ में धर्म और मोक्ष स्थविर हैं, बड़े हैं—'स्थविरे धर्ममोक्षे'। इसका अर्थ यह नहीं है कि अर्थ और काम जीवन की आवश्यकता नहीं हैं। ये भी जीवन के लिए अनिवार्य हैं। किन्तु भगवान् महावीर ने अध्यात्म-शास्त्र के आधार पर धर्म और मोक्ष को अधिक मूल्य दिया और अर्थ और काम को हेय बताया।

विश्‍वविजेता सिकन्दर की कामनाएं आकाश को छू रही थीं। उनकी पूर्ति के लिए उसने खून की नदियां बहाईं और विश्‍व-विजेता बनने के स्वप्‍न की संपूर्ति में लगा रहा। अन्तत: उसे निराशा ही मिली और उसकी सारी कामनाएं मन में ही रह गईं। एक कामना की पूर्ति दूसरी कामना को जन्म देती है और यह श्रृंखला कभी टूटती नहीं, अनन्त बन जाती है। 'इच्छा हु आगाससमा अणंतिया'—भगवान् की यह वाणी अक्षरश: सत्य है। कामनाओं का पार वही पाता है जो अकाम हो जाता है।

कामनाओं से ग्रस्त प्राणी अत्यन्त क्रूर कर्म या विचार करता रहता है। मगरमच्छ की भौहों में एक प्रकार का अत्यन्त सूक्ष्म समनस्क प्राणी उत्पन्न होता है। उसे 'तंदुलमत्स्य' कहा जाता है। मगरमच्छ समुद्र में मुंह बाएं पड़ा रहता है। उसके खुले मुंह में जल के साथ-साथ हजारों छोटे-बड़े मत्स्य प्रवेश करते हैं और जल-प्रवाह के निर्गमन के साथ बाहर निकल जाते हैं। यह क्रम चलता रहता है। वह तंदुलमत्स्य मन ही मन सोचता है—'अरे! कितना मूर्ख है यह मगरमच्छ! क्यों नहीं यह मुंह में स्वत: प्रविष्ट होने वाले मत्स्यों को निगल जाता? यदि मैं इसके स्थान पर होता तो सबको निगल जाता।' यह विचार उसके मन में निरन्तर बना रहता है। उसकी शक्ति नहीं कि वह उन मत्स्यों को निगल जाए, पर वह मन से इतना क्रूर विचार कर प्रचुर कर्मों का संचय कर लेता है।

७. कामभोगों में (कामभोगेसु)

काम और भोग—ये दो शब्द हैं। चूर्णिकार ने इन दोनों शब्दों के दो-दो अर्थ किए हैं—

काम— १. जिसकी कामना की जाती है।

२. काम-वासना।

भोग— १. जिनका उपभोग किया जाता है।

२. सभी इन्द्रियों के विषय।

बृहद्वृत्ति में इनके तीन अर्थ ये हैं—

१. जिनकी कामना की जाती है वे हैं काम और जिनका उपभोग किया जाता है वे हैं भोग।

२. शब्द और रूप है काम तथा स्पर्श, रस और गंध है भोग।

३. स्त्रियों का संसर्ग या आसक्ति है काम तथा शरीर के परिकर्म के साधन—धूपन, विलेपन आदि हैं भोग।

८. मिथ्या भाषण (कूडाय)

'कूट' शब्द के अनेक अर्थ हैं—माया, झूठ, यथार्थ का अपलाप, धोखा, चालाकी, अंत, समूह, मृग को पकड़ने का यंत्र आदि-आदि।

प्रस्तुत प्रकरण की चूर्णि में इसके तीन अर्थ प्राप्त हैं—नरक, मृग को पकड़ने का यंत्र और इन्द्रिय-विषय।

वृत्तिकार ने भी इसके तीन अर्थ किए हैं। प्रथम दो अर्थ चूर्णि के समान हैं और तीसरा अर्थ है—मिथ्या भाषण आदि।

सूत्रकृतांग १/४/४५ में 'एगन्तकूडे' तथा 'कूडेन'—ये दो पद प्रयुक्त हैं। 'एगन्तकूड' में कूड का अर्थ है—विषम। एगन्तकूड का अर्थ है—ऐसा स्थान जहां कोई भी समतल भूमि न हो।

'कूडेन' शब्द में 'कूड' का अर्थ है—गलयंत्रपाश अथवा पाषाणसमूह।

सूत्रकृतांग १/१३/९ में भी 'कूडेण' शब्द का प्रयोग है। वहां इसका अर्थ है—माया। वृत्ति में इसका अर्थ मृगपाश किया गया है।

प्रस्तुत प्रकरण में 'कूट' का अर्थ मिथ्या वचन अधिक संगत लगता है।

९. रति (आनन्द) (रई)

चूर्णि में 'रति' का अर्थ है—इष्ट विषय में प्रीति उत्पन्न करने वाली वृत्ति। वृत्ति में इसका अर्थ है—कामवासना के सेवन से उत्पन्न चित्त का आह्लाद।

१०. (न मे दिट्ठे परे लोए, चक्खुदिट्ठा इमा रई)

परलोक तो मैने देखा नहीं, यह रति (आनन्द) तो चक्षु-दृष्ट है। इन दो पदों में अनात्मवादियों के अभिमत का उल्लेख है। वे प्रत्यक्ष को ही वास्तविक मानते हैं तथा भूत और अनागत को अवास्तविक। कामासक्त व्यक्तियों का यह चिन्तन अस्वाभाविक नहीं है।

११. (हत्थागया इमे कामा, कालिया जे अणागया)

चूर्णिकार ने लिखा है—कोई मूर्ख भी अपनी गांठ में बन्धे हुए चावलों को छोड़कर भविष्य में होने वाले चावलों के लिए आरम्भ नहीं करता।

शान्त्याचार्य ने लिखा है—हाथ में आए हुए द्रव्यों को कोई भी पैरों से नहीं रौंदता।

जो आत्मा, परलोक व धर्म का मर्म समझता है वह अनागत भोगों की प्राप्ति के लिए हस्तगत भोगों को नहीं छोड़ता। इसलिए अनात्मवादियों का यह चिन्तन यथार्थ नहीं है। इसकी चर्चा नौवें अध्ययन में श्‍लोक ५१-५३ में भी हुई है।

१२. क्लेश (केसं)

क्लेश शब्द के अनेक अर्थ हैं—पीड़ा, परिताप, शारीरिक या मानसिक वेदना, दु:ख, क्रोध, पाप आदि।

प्रस्तुत प्रसंग में क्लेश का अर्थ है—संक्लिष्ट परिणाम। जो व्यक्ति कामभोगों में अनुरक्त होता है, वह शारीरिक और मानसिक उत्ताप से उत्तप्त रहता है।

पतंजलि ने क्लेश के पांच प्रकार बतलाए हैं—अविद्या, अस्मिता, राग, द्वेष और अभिनिवेश।

गीता में कहा है—जो व्यक्ति विषयों का चिन्तन निरंतर करता रहता है, उसमें उन विषयों के प्रति आसक्ति पैदा हो जाती है। आसक्ति से काम, काम से क्रोध, क्रोध से संमूढता, संमूढता से स्मृतिभ्रंश, स्मृतिभ्रंश से बुद्धि का नाश और बुद्धि-नाश से व्यक्ति स्वयं नष्ट हो जाता है।

प्रस्तुत श्‍लोक में भी यही प्रतिपाद्य है कि कामभोग की आसक्ति से क्लेश पैदा होता है। वह व्यक्ति आसक्ति के संक्लिष्ट परिणामों के आवर्त में फंस कर नष्ट हो जाता है।

कामभोग से होने वाला क्लेश बहुत दीर्घकालीन होता है। सुखबोधा में इसकी पुष्टि के लिए एक श्‍लोक उद्धृत किया गया है—

वरि विसु भुंजिउ मं विसय, एक्कसि विसिण मरंति।

नर विसयामिसमोहिया, बहुसो नरइ पडंति।।

इसका आशय है कि विष पीना अच्छा है, विषय नहीं। मनुष्य विष से एक ही बार मरते हैं, किन्तु विषय रूप मांस में मोहित मनुष्य अनेक बार मरते हैं—नरक में जाते हैं।

१३. प्रयोजनवश अथवा बिना प्रयोजन ही (अट्ठाए य अणट्ठाए)

हिंसा के दो प्रकार हैं—अर्थ-हिंसा और अनर्थ-हिंसा। इन्हें एक उदाहरण के द्वारा समझाया गया है—

एक ग्वाला था। वह प्रतिदिन बकरियों को चराने जाता था। मध्याह्न में बकरियों को एक वट-वृक्ष के नीचे बिठाकर स्वयं सीधा सोकर बांस के गोफन से बेर की गुठलियों को फेंक बरगद के पत्रों को छेदता था। इस प्रकार उसने प्राय: पत्तों को छेद डाला। एक बार एक राजपुत्र उस वट-वृक्ष की छाया में जा बैठा। उसने छिदे हुए पत्रों को देखकर ग्वाले से पूछा—ये किसने छेदे हैं? उसने कहा—ये मैंने छेदे हैं। राजपुत्र ने कहा—किसलिए? ग्वाले ने कहा—विनोद के लिए। तब राजपुत्र ने उसे धन का प्रलोभन देते हुए कहा—मैं कहूं कि उसकी आंखें बींध दो, तो उसकी आंखें क्या तू बींध देगा? ग्वाले ने कहा—हां, मैं बींध सकता हूं, यदि वह मेरे नजदीक हो। राजपुत्र उसे अपने नगर ले गया। राजपथ में आए हुए प्रासाद में उसे ठहरा दिया। उस राजपुत्र का भाई राजा था। वह उसी मार्ग से अश्‍वरथ पर चढ़कर जाता था। राजपुत्र ने ग्वाले से कहा—इसकी आंखें फोड़ डाल। उस ग्वाले ने अपने गोफन से उसकी दोनों आंखें फोड़ डालीं। अब वह राजपुत्र राजा बन गया। उसने ग्वाले से कहा—बोल, तू क्या चाहता है? उसने कहा—आप मुझे वह गांव दें जहां मैं रहता हूं। राजा ने उसे वही गांव दे दिया। उसी सीमान्त के गांव में उसने ईख की खेती की और तुम्बी की बेल लगाई। गुड़ हुआ और तुम्बे हुए। उसने तुम्बों को गुड़ में पका गुड़-तुम्बक तैयार किया। उसे खाता और गाता—

अट्टमट्टं च सिक्खिजा, सिक्खियं ण णिरत्थं।

अट्टमट्टपसाएण, भुंजए गुडतुम्बयम्।।

अर्थात् उटपटांग जो भी हो सीखना चाहिए। सीखा हुआ व्यर्थ नहीं जाता। इसी अट्टमट्ट के प्रसाद से यह गुड़तुम्बा मिल रहा है। ग्वाला पत्रों को बिना प्रयोजन छेदता था और उसने आंखों को प्रयोजनवश छेदा।

यह उदाहरण एक स्थूल भावना का स्पर्श करता है। साधारण उद्देश्य की पूर्ति के लिए राजा की आंखें फोड़ डाली गईं—यह वस्तुत: अनर्थ हिंसा ही है। अर्थ-हिंसा उसे कहा जा सकता है, जहां प्रयोजन की अनिवार्यता हो।

१४. प्राणी-समूह (भूयग्गामं)

सामान्यत: 'भूत' का अर्थ है—प्राणी और ग्राम का अर्थ है—समूह। भूतग्राम अर्थात् प्राणियों का समूह। समवायांग में चौदह भूतग्रामों—जीवसमूहों का उल्लेख है। चूर्णिकार ने भी सूक्ष्म, बादर, पर्याप्त, अपर्याप्त के भेद से चौदह प्रकार के जीवों का उल्लेख किया है। वृत्ति में इसका अर्थ है—प्राणियों का समूह।

१५. वेश परिवर्तन कर अपने आपको दूसरे रूप में प्रकट करने वाला (सढे)

इसका सामान्य अर्थ है—धूर्त्त, मूढ़, आलसी। यहां इसका अर्थ—वेष परिवर्तन कर अपने आपको दूसरे रूप में प्रगट करने वाला है। टीकाओं में 'मंडिक चोरवत्' ऐसा उल्लेख किया है। मंडिक चोर की कथा इसी आगम के चौथे अध्ययन के सातवें श्‍लोक की व्याख्या में है।

१६. (श्‍लोक १०)

प्रस्तुत श्‍लोक में व्यक्ति की अहंमन्यता और आसक्ति का सुन्दर चित्रण हुआ है। व्यक्ति मन, वचन और काया से मत्त होता है। शरीर से मत्त होकर वह मानने लगता है—मैं कितना रूप-संपन्न और शक्ति-संपन्न हूं! वाणी का अहं करते हुए वह सोचता है—मैं कितना सु-स्वर हूं! मेरी वाणी में कैसा जादू है! मानसिक अहं के वशीभूत होकर वह सोचता है—ओह! मैं अपूर्व अवधारणा शक्ति से संपन्न हूं। इस प्रकार वह अपना गुण-ख्यापन करता है।

आसक्ति के दो मुख्य हेतु हैं—धन और स्त्री। धन की आसक्ति से वह अदत्त का आदान करता है और परिग्रह का संचय करता है।

स्त्री की आसक्ति से वह स्त्री को संसार का सर्वस्व मानने लगता है—

सत्यं वच्मि हितं वच्मि, सारं वच्मि पुन: पुन:।

अस्मिन्नसारे संसारे, सारं सारंगलोचना:।।

अहंमन्यता और आसक्ति से ग्रस्त व्यक्ति भीतर के अशुद्ध भावों से तथा बाहर की असत् प्रवृत्ति से—दोनों ओर से कर्मों का बंधन करता है। आस्था और आचरण—दोनों से वह कर्म का संचय करता है। वह इस लोक में भी जानलेवा रोगों से अभिभूत होता है और मरण के पश्‍चात् भी दुर्गति में जाता है।

सूत्रकार ने यहां शिशुनाग का उदाहरण प्रस्तुत किया है। शिशुनाग—अलस या केंचुआ मिट्टी खाता है। उसका शरीर गीला होता है और वह निरंतर मिट्टी के ढेरों में ही घूमता रहता है, इसलिए उसके शरीर पर मिट्टी चिपक जाती है। वह शीतयोनिक होता है अत: सूर्य की उत्तप्त किरणों से स्‍नेह—गीलापन सूख जाता है। वह तब गर्म मिट्टी से झुलस-झुलस कर मर जाता है।

इस प्रकार दोनों ओर से गृहीत मिट्टी उसके विनाश का कारण बन जाती है।

चूर्णिकार ने 'दुहओ'—दो प्रकार से—के अनेक विकल्प किए हैं—

जैसे—स्वयं करता हुआ या दूसरों से करवाता हुआ, अन्त:करण से या वाणी से, राग से या द्वेष से, पुण्य या पाप का, इहलोक बन्धन या परलोक बंधन—संचय करता है।

१७. आतंक से (आयंकेण)

आतंक का अर्थ है—शीघ्रघाती रोग। शिर:शूल, विसूचिका आदि रोग आतंक माने जाते हैं। आज के परिप्रेक्ष्य में हृदय-रोग इस कोटि में आ सकता है।

चूर्णि में आतंक शब्द का केवल निरुक्त प्राप्त है—जो विविध प्रकार के दु:खों से जीवन को तंकित करता है—कष्टमय बनाता है, वह है आतंक।

१८. (पभीओ......अप्पणो)

जब व्यक्ति बुढ़ापे में जर्जर हो जाता है या रोगग्रस्त हो जाता है, तब उसे मृत्यु की सन्निकटता का भान होता है। वह सोचता है, अब यहां से सब कुछ छोड़कर जाना होगा। 'अब आगे क्या होगा'—इस आशंका से वह भयभीत हो जाता है। वह अतीत की स्मृति करता है और अपने सारे आचरणों पर दृष्टिपात करता है। वह सोचता है—मैंने कुछ भी शुभ नहीं किया। केवल हिंसा, झूठ, असत् आचरण में ही सदा लिप्त रहा। मैंने धर्म और धर्मगुरुओं की निन्दा की, असत्य आरोप लगाए और न जाने क्या-क्या अनर्थ किया। सारा अतीत उसकी आंखों के सामने नाचने लगता है। वह सोचता है, अरे! मैंने ये सारे पापकारी आचरण इस विचार से प्रेरित होकर किए थे कि मानो मैं सदा अजर-अमर रहूंगा, कभी नहीं मरूंगा। मैं भूल गया था कि जो जन्मता है, वह एक दिन अवश्य ही मरता है। 'कम्मसच्चा हु पाणिणो' भगवान की इस वाणी को भी मैं भूल गया था। किए हुए कर्मों का भोग अवश्य ही करना होता है।

मृत्यु के भय के साथ-साथ उसको नरक का भय भी सताता है। नरक प्रत्यक्ष नहीं है, पर उसके विचारों में नरक प्रत्यक्ष होता है और वह संत्रस्त होकर 'कर्मानुप्रेक्षी' बन जाता है—अपने समस्त आचरणों को देखता है।

वृत्तिकार ने यहां एक सुन्दर श्‍लोक प्रस्तुत किया है—

भवित्रीं भूतानां परिणतिमनालोच्य नियतां,

पुरा यत् यत् किञ्चिद् विहितमशुभं यौवनमदात्।

पुन: प्रत्यासन्ने महति परलोकैकगमने,

तदेवैकं पुंसां व्यथयति जराजीर्णवपुषाम्।।

सुखबोधा में एक प्राचीन गाथा उद्धृत है—

कीरंति जाइं जोव्वणमएण अवियारिऊण कज्जाइं।

वयपरिणामे सरियाइं ताइं हियए खुडुक्कंति।।

१९. स्थानों (ठाणा)

वृत्ति में इसके चार अर्थ प्राप्त हैं—

१. नारकों का उत्पत्ति-स्थान—नारक संकरे मुंह वाले घड़ों आदि में उत्पन्न होते हैं।

२. एक ही नरक में सीमन्तक, अप्रतिष्ठान भिन्न-भिन्न स्थान।

३. कुंभी, वैतरणी, असिपत्रक वनस्थान आदि।

४. भिन्न-भिन्न आयुष्य वाले नरक-स्थान।

२०. जहां प्रगाढ़ वेदना है (पगाढ़ा जत्थ वेयणा)

प्रगाढ़ के तीन अर्थ हैं—निरंतर, तीव्र और उत्कट। चूर्णि में वेदना के दो प्रकार निर्दिष्ट हैं—शीत और उष्ण वेदना अथवा शारीरिक और मानसिक वेदना।

२१. औपपातिक (उववाइयं)

जीवों की उत्पत्ति के तीन प्रकार हैं—गर्भ, सम्मूर्च्छन और उपपात। पशु, पक्षी, मनुष्य आदि गर्भज होते हैं, द्वीन्द्रिय आदि जीव सम्मूर्च्छनज और नारक तथा देव औपपातिक होते हैं। औपपातिक जीव अन्तर्मुहूर्त्त मात्र में पूर्ण शरीर वाले हो जाते हैं। अत: नरक में उत्पन्न होते ही वे जीव नरक की वेदना से अभिभूत हो जाते हैं।

२२. कृत कर्मों के अनुसार (आहाकम्मेहिं)

चूर्णिकार और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ 'कर्मों के अनुसार' किया है। शान्त्याचार्य ने इसका मूल अर्थ 'अपने किए हुए कर्मों के द्वारा' किया है और विकल्प में इसका अर्थ किया है—'कर्मों के अनुसार'।

२३. धुरी (अक्खे)

अक्ष शब्द के अनेक अर्थ हैं—पहिया, चक्र, चौसर, पहिए का धुरा, गाड़ी का जुआ आदि।

प्रस्तुत श्‍लोक में अक्ष का अर्थ धुरा है। धुरा का अर्थ है—लकड़ी या लोहे का वह डंडा जिसके सहारे पहिया घूमता है। वृत्ति में जो निरुक्त है वह इसी अर्थ का द्योतक है—अश्‍नीते नवनीतादिकमित्यक्षो धू:—जो स्‍निग्ध पदार्थ—घी, तेल आदि से व्याप्त रहता है, वह धू—धुरा होता है।

२४. एक ही दाव में (कलिना)

चूर्णिकार कलि के विषय में मौन हैं। शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने 'कलिना दायेन' इतना कहकर छोड़ दिया है।

किन्तु अन्य प्राचीन ग्रन्थों के अनुसार जुए में दो प्रकार के दाव होते थे—कृतदाव और कलिदाव। 'कृत' जीत का दाव है और 'कलि' हार का। दोनों एक-दूसरे के विपरीत हैं।

सूत्रकृतांग के अनुसार जुआ चार अक्षों से खेला जाता था। उनके नाम हैं—

१. कलि—एकक।

२. द्वापर—द्विक।

३. त्रेता—त्रिक।

४. कृत—चतुष्क।

चारों पासे सीधे या औंधे एक से पड़ते हैं, उसे 'कृत' कहा जाता है। यह जीत का दाव है। एक, दो या तीन पासे उल्टे पड़ते हैं उन्हें क्रमश: कलि, द्वापर, त्रेता कहा जाता है। ये हार के दाव हैं। कुशल जुआरी इन्हें छोड़ 'कृतदाव' ही लेता है।

काशिका में लिखा गया है कि पंचिका नाम का जुआ अक्ष या पांच शलकाओं से खेला जाता था। जब पांचों पासे सीधे या औंधे एक से गिरते हैं तब पासा फेंकने वाला जीतता है, इसे 'कृतदाव' कहते हैं। 'कलिदाव' इससे विपरीत है। जब कोई पासा उलटा या सीधा गिरता है तब उसे 'कलिदाव' कहते हैं।

भूरिदत्त जातक में 'कलि' और 'कृत' दोनों को एक-दूसरे के विपरीत माना है।

छान्दोग्य उपनिषद् में भी 'कृत' जीत का दाव है। महाभारत (सभापर्व ५२।१३) में शकुनि को 'कृतहस्त' कहा गया है अर्थात् जो सदा जीत का दाव ही फेंकता है।

पाणिनी के समय दोनों प्रकार के दाव फेंकने के लिए भाषा में अलग-अलग नामधातुएं चल गई थीं। उनका सूत्रकार ने स्पष्ट उल्लेख किया है—कृतं गृण्हाति—कृतयति, कलिं गृण्हाति—कलयति। (३।१।२१)

विधुर पंडित जातक में भी 'कृतं गृण्हाति कलिं गृण्हाति' ऐसे प्रयोग हुए हैं।

जुए के खेल के नियमों के अनुसार जब तक किसी खिलाड़ी का 'कृतदाव' आता रहता, वही पासा फेंकता जाता था। पर जैसे ही 'कलिदाव' आता, पासा डालने की बारी दूसरे खिलाड़ी की हो जाती।

२५. जुआरी (धुत्ते)

धूर्त्त शब्द के अनेक अर्थ हैं—वंचक, ठग, मायावी, जुआरी आदि। सामान्यत: यह शब्द 'ठग' के अर्थ में बहुत प्रयुक्त होता है, परन्तु प्रस्तुत प्रकरण में यह जुआरी के अर्थ से व्यवहृत है।

२६. (श्‍लोक १७)

प्रस्तुत अध्ययन के प्रथम सतरह श्‍लोकों में अज्ञानी व्यक्तियों की विचारधारा, जीवन शैली, मरणकाल की स्थिति तथा परलोकगमन की दिशा का वर्णन प्राप्त होता है। शेष आगे के श्‍लोकों में संयमी मुनि और व्रती श्रावकों की विचारधारा, जीवन शैली, मारणान्तिक अवधारणा और सुगतिगमन का सुन्दर वर्णन है।

२७. जितेन्द्रिय पुरुषों का (वुसीमओ)

यहां बहुवचन के स्थान पर एकवचन है। बृहद्वृत्ति में इसका संस्कृत रूप है 'वश्यवताम्'। आत्मा और इन्द्रिय जिसके वश्य—अधीन होते हैं, उसे 'वश्यवान्' कहा जाता है। 'वुसीम' के दो अर्थ और किए गए हैं—(१) साधु गुणों में बसने वाला और (२) संविग्‍न।

सरपेन्टियर ने लिखा है कि इसका संस्कृत रूप 'वश्यवन्त' शंकास्पद है। मैं इसके स्थान पर दूसरा उचित शब्द नहीं दे सकता। परन्तु इसके स्थान पर 'व्यवसायवन्त:' शब्द की योजना कुछ हद तक संभव हो सकती है।

सरपेन्टियर की यह संभावना बहुत उपयोगी नहीं है। वस्तुत: 'वुसीम' शब्द या तो देशी है जिसका संस्कृत रूप कोई होता ही नहीं और यदि देशी नहीं है तो इसका संस्कृत रूप 'वृषीमत्' होना चाहिए।

'वृषी' का अर्थ है—'मुनि का कुश आदि का आशन।' सूत्रकृतांग में श्रमण के उपकरणों में 'वृषिक' (भिसिग) का उल्लेख है। इसके सम्बन्ध में मुनि को 'वृषीमान' कहा जाता है। व्याकरण की दृष्टि से 'वुसीम' का संस्कृत रूप 'वृषीमत्' होता है। इसका प्रवृत्तिलभ्य अर्थ है—मुनि, संयमी या जितेन्द्रिय।

निशीथ भाष्य में इसी अर्थ में 'वुसिराती' (सं० वृषिराजिन्) तथा 'वुसि' (सं० वृषिन्) शब्द प्राप्त होते हैं। 'वुसि' का अर्थ 'संविग्‍न' किया गया है।

सूत्रकृतांग में 'वुसीमओ' का अनेक बार प्रयोग हुआ है। चूर्णिकार ने इसके अर्थ इस प्रकार किये हैं—

वुसिमतां वसूनि ज्ञानादीदि (१।८।१९ चूर्णि, पृ० २१३)।

वुसिमानिति संयमवान् (१।११।१५ चूर्णि पृ० २४५)।

वुसिमांश्‍च भगवान्—साधुर्वा वुसीमान् (१।१५।४ चूर्णि पृ० २९९)।

वुसियं वुसिमं वुत्तो (२।६।१४ चूर्णि, पृ० ४२३)।

पहले अर्थ से लगता है कि चूर्णिकार 'वसुमओ' पाठ की व्याख्या कर रहे हैं। आयारो १।१७४ में 'वसुम' शब्द मुनि के लिए प्रयुक्त हुआ है। शीलांकसूरि ने इसका अर्थ 'वसुमान्' सम्यक्त्व आदि धन से धनी—किया है। दूसरे अर्थ में 'वुसि' संयम का पर्यायवाची है। तीसरे में वही भगवान् या साधु के लिये प्रयुक्त है। चौथा अर्थ स्पष्ट नहीं है। शीलांकसूरि ने वहां 'वुसिम' का अर्थ संयमवान् किया है।१० लगता यह है 'वृषी' उपकरण के कारण वृषीमान् (वुसीम) मुनि का एक नाम बन गया।

बौद्ध साहित्य में वशी या वृषी का अर्थ है—कौशल। उसके पांच प्रकार हैं—

१. आवर्जन वशी—मन को ध्यान में लगाने का कौशल।

२. समापञ्ञनवशी—ध्यान में प्रवेश पाने का कौशल।

३. अधिष्ठानवशी—ध्यान में अधिष्ठान बनाये रखने का कौशल।

४. व्युत्थानवशी—ध्यान संपन्न करने का कौशल।

५. प्रत्यवेक्षणवशी—ध्यान की सारी विधियों तथा तथ्यों का समालोचन करने में कौशल।

ये पांच प्रकार के वशी (कौशल) ध्यान में प्रवेश करने की कुशलता, योग्यता और गति में तीव्रता उत्पन्न करते हैं। इनसे व्यक्ति में ध्यान पर पूरा नियन्त्रण प्राप्त हो जाता है।

२८. प्रसन्न (विप्पसन्नं)

यह मरण का विशेषण है। जो व्यक्ति मरण-काल में विविध भावनाओं से अपनी आत्मा को भावित करता है, मूर्च्छा से अपहत नहीं होता, अनाकुल रहता हुआ प्रसन्नता से मरण का वरण करता है, उसका मरण विप्रसन्न मरण कहलाता है।

२९. विविध प्रकार के शील वाले (नाणासीला)

गृहस्थ नानाशील—विविध शील वाले, विभिन्न रुचि वाले और विभिन्न अभिप्राय वाले होते हैं। इसकी व्याख्या करते हुए नेमिचन्द्र ने लिखा है—''कई कहते हैं—गृहस्थाश्रम का पालन करना ही महाव्रत है।'' कई कहते हैं—'गृहस्थाश्रम से उत्कृष्ट धर्म न हुआ और न होगा।' जो शूरवीर होते हैं, वे इसका पालन करते हैं और क्लीव व्यक्ति पाखण्ड का आश्रय लेते हैं। कई कहते हैं—'सात सौ शिक्षाप्रद गृहस्थों के व्रत हैं' आदि-आदि।

३०. विषमशील वाले (विसमसीला)

साधु भी विषमशील वाले अर्थात् विषम आचार वाले होते हैं। शान्त्याचार्य ने लिखा है—कई पांच यम और पांच नियमों को, कई कन्द, मूल, फल के आहार को और कई आत्म-तत्त्व के परिज्ञान को ही व्रत मानते हैं।

चूर्णिकार के अनुसार—कुछ कुप्रवचन-भिक्षु अभ्युदय की ही कामना करते हैं, जैसे तापस और पांडुरक (शिवभक्त, संन्यासी)। जो मोक्ष चाहते हैं, वे भी उसके साधन को सम्यक् प्रकार से नहीं जानते। वे आरम्भ (हिंसा) से मोक्ष मानते हैं। लोकोत्तर भिक्षु भी सबके सब निदान और शल्य रहित नहीं होते, आशंसा रहित तप करने वाले नहीं होते, इसलिए भिक्षुओं को विषम-शील कहा है।

३१. (श्‍लोक २०)

तीन प्रकार के मनुष्य होते हैं—अव्रती, देशव्रती और सर्वव्रती। इस श्‍लोक में बताया गया है कि अव्रती या नामधारी भिक्षुओं से देशव्रती गृहस्थ संयम से प्रधान होते हैं और उनकी अपेक्षा सर्वव्रती भिक्षु संयम से प्रधान होते हैं। इसे एक उदाहरण द्वारा समझाया गया है।—

'एक श्रावक ने साधु से पूछा—'श्रावक और साधुओं में कितना अन्तर है? ' साधु ने कहा—'सरसों और मन्दर पर्वत जितना।' तब उसने पुन: आकुल होकर पूछा—'कुलिंगी (वेषधारी) और श्रावक में कितना अन्तर है?' साधु ने कहा—'वही, सरसों और मन्दर पर्वत जितना।' उसे समाधान मिला। कहा भी है—

सुविहित आचार वाले मुनियों के श्रावक देश विरत होते हैं।

कुतीर्थिक उनकी सौवीं कला को भी प्राप्त नहीं होते।

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रसंग में आचार्य नेमिचन्द्र की वृत्ति में एक संदर्भ प्राप्त है—

एक बार एक श्रावक ने साधु से पूछा—भंते! श्रावकों में और साधुओं में अन्तर क्या है? वत्स! दोनों में सर्षप और मन्दर पर्वत जितना अन्तर है। यह सुनकर श्रावक का मन आकुल-व्याकुल हो गया। उसने पुन: पूछा—भंते! कुलिंगी साधुओं में और श्रावकों में क्या अन्तर है? साधु ने कहा—दोनों में सर्षप और मन्दर पर्वत जितना अन्तर है। यह सुनकर श्रावक का मन आश्‍वस्त हुआ। एक पद्य है—

देसिक्कदेसविरया समणाणं सावगा सुविहियाणं।

तेसिं परपासंडा एक्कंपि कलं नग्गहन्ति।।

देशविरति श्रावक सुविहित साधुओं की बराबरी नहीं कर सकते, उनकी सोलहवीं कला के एक अंश की भी तुलना में नहीं आ सकते। इसी प्रकार पासंडी साधु इन श्रावकों की आंशिक तुलना में भी नहीं ठहर सकते।

३२. साधु की (परियागयं)

वृत्तिकार ने 'पर्यागत' का अर्थ—पर्याय-आगत—प्रव्रजित किया है। 'पर्यागत' शब्द ही प्रव्रजित के अर्थ में व्यवहृत है। इसलिए 'पर्यायागत' शब्द मानकर उसके 'या' को लोप करने की जटिल प्रक्रिया अपेक्षित नहीं है।

वृत्ति में इसका वैकल्पिक अर्थ—दु:शील की पर्याय को प्राप्त किया है।

पर्यागत के मूल अर्थ की परम्परा विलुप्त हो जाने के कारण ये अर्थ किये गये हैं।

३३. (श्‍लोक २१)

इस श्‍लोक में वल्कल धारण करने वाले, चर्म धारण करने वाले, जटा रखने वाले, संघाटी रखने वाले और मुंड रहने वाले—इन विचित्र लिंगधारी कुप्रवचन-भिक्षुओं का उल्लेख हुआ है। ये सारे शब्द उस समय के विभिन्न धार्मिक सम्प्रदायों के सूचक हैं। मिलाइये—

(क) न नग्गचरिया न जटा न पंका, नानासका थंडिलसायिका वा।

रज्जो च जल्लं उक्कटिकप्पधानं, सोधेंति मच्चं अवितिण्णकंखं।।

(धम्मपद १०।१३)

(ख) तथा च वाचक:—

चर्मवल्कलचीराणि, कूर्चमुण्डशिखाजटा:।

न व्यपोहन्ति पापानि, शोधकौ तु दयादमौ।।

(सुखबोधा, पत्र १२७)

चूर्णि में चीर का अर्थ वल्कल१ और बृहद्वृत्ति में चीवर किया गया है।

नगिणिणं का अर्थ है नग्‍नता। यहां चूर्णिकार ने उस समय में प्रचलित कुछ नग्‍न सम्प्रदायों का नामोल्लेख किया है। मृगचारिक, उद्दण्डक (हाथ में दण्ड ऊंचा रखकर चलने वाले तापसों का सम्प्रदाय) और आजीवक सम्प्रदाय के साधु नग्‍न रहते थे।

संघाटी—कपड़ों के टुकड़ों को जोड़कर बनाया गया साधुओं का एक उपकरण। इस शब्द के द्वारा सूत्रकार ने संभवत: बौद्ध श्रमणों के प्रति संकेत किया है। महात्मा बुद्ध ने तेरह धुतांगों का वर्णन किया है। उसमें दूसरा धुतांग है—त्रैचीवरिकाङ्ग। संघाटी, उत्तरासंग और अन्तर-वासक—बौद्ध भिक्षु के ये तीन वस्त्र हैं। जो भिक्षु केवल इन्हीं को धारण करता है उसे त्रैचीवरिक कहते हैं और उसका वह धुतांगव्रत त्रैचीवरिकांग कहलाता है।

जो अपने सिद्धान्त के अनुसार चोटी कटाते थे उन संन्यासियों के आचार का 'मुंडित्व' शब्द के द्वारा उल्लेख किया गया है।

३४. (पिंडोलए.....ण मुच्चइ)

भिक्षाजीवी भी यदि दु:शील होता है तो उसे भी नरक की यातना भोगनी पड़ती है।

राजगृह नगर के नागरिक समय-समय पर मनोरंजन के लिए पर्वत की तलहटी पर एकत्रित होते थे। उस दिन एक भिक्षुक भी वहां भिक्षा के लिए जाता था। एक बार उसे भिक्षा नहीं मिली। वह अत्यन्त रुष्ट हो गया। उसके मन में प्रतिशोध की भावना उत्कट हुई। वह वैभार पर्वत पर चढ़ा। पर्वत की तलहटी में सैकड़ों लोग गोष्ठी में मग्‍न थे। उसने एक विशाल चट्टान को नीचे लुढ़काया और मन ही मन सोचा, इस चट्टान के नीचे अनेक लोग आकर मर जाएं तो मजा आ जाएगा। मुझे भिक्षा न देने का फल उन्हें मिल जायेगा। वह रौद्र ध्यान में लीन हो गया। संयोगवश उसी बड़ी चट्टान के साथ उसका पैर फिसला और वह स्वयं उस चट्टान के नीचे दब कर चूर-चूर हो गया। रौद्र ध्यान में मरकर वह नरक में उत्पन्न हुआ।

३५. (भिक्खाए.....कम्मई दिवं)

व्रतों के परिपालन का मुख्य उद्देश्य है—निर्जरा, मोक्ष की प्राप्ति, मोक्ष की ओर प्रस्थान।

प्रस्तुत प्रसंग में देवलोकगमन की जो बात कही गई है, वह व्रत-पालन का जघन्य परिणाम है। व्रतों के पालन की तरतमता के अनुसार फल-प्राप्ति होती है। व्रत-पालन का उत्कृष्ट परिणाम है—मोक्ष और जघन्य परिणाम है—देवलोक की प्राप्ति। प्राचीन श्‍लोक है—

'अविराहियसामण्णस्स साहुणो, सावगस्स य जहण्णो।

उववातो सोहम्मे भणितो तेलोक्कदंसीहिं।।'

—जो व्यक्ति अपने श्रामण्य या श्रावकत्व का अविराधित रूप से पालन करता है, उसकी जघन्य परिणति सौधर्म देवलोक होती है। यह तीर्थंकरों का कथन है।

यह वृत्तिकार का अभिमत है।

ठाणं सूत्र में स्वर्गप्राप्ति के चार कारण बतलाए हैं—

१. सराग संयम

२. संयमासंयम

३. बालतप:कर्म

४. अकामनिर्जरा।

व्रत और संयम—ये स्वर्ग के साक्षात् हेतु नहीं हैं। सूत्र का आशय यह है कि व्रती और संयमी की सुगति होती है। उसका साक्षात् हेतु पुण्यबन्ध है। व्रत के साथ निर्जरा होती है और पुण्यबंध उसका प्रासंगिक फल है।

३६. गृहस्थ-सामायिक के अंगों का (अगारि.सामाइयंगाइं)

सामायिक शब्द का अर्थ है—सम्यक् दर्शन, सम्यक् ज्ञान और सम्यक् चारित्र। उसके दो प्रकार हैं—अगारी (गृहस्थ) का सामायिक और अनगार का सामायिक। चूर्णिकार ने अगारि- सामायिक के बारह अंग बतलाएं हैं। वे श्रावक के बारह व्रत कहलाते हैं।

शान्त्याचार्य ने अगारि-सामायिक के तीन अंगों का उल्लेख किया है—नि:शंकभाव, स्वाध्याय और अणुव्रत।

विशेषावश्यक भाष्यकार ने सामायिक के चार अंग बतलाये हैं—

(१) सम्यक् दृष्टि सामायिक।

(२) श्रुत सामायिक।

(३) देशव्रत (अणुव्रत) सामायिक।

(४) सर्वव्रत (महाव्रत) सामायिक।

इनमें प्रथम तीन अगारि-सामायिक के अंग हो सकते हैं।

३७. पोषध को (पोसहं)

इसे श्‍वेताम्बर साहित्य में 'पोषध' या 'प्रोषध' (उत्तराध्ययन चूर्णि पृ० १३९), दिगम्बर साहित्य में 'प्रोषध' और बौद्ध साहित्य में 'उपोसथ' कहा जाता है। यह श्रावक के बारह व्रतों में ग्यारहवां व्रत है। इसमें असन, पान, खाद्य, स्वाद्य का तथा मणि, सुवर्ण, माला, उबटन, विलेपन, शस्त्र-प्रयोग का प्रत्याख्यान और ब्रह्मचर्य का पालन किया जाता है। इसकी आराधना अष्टमी, चतुर्दशी, पूर्णिमा, अमावस्या—इन पर्व-तिथियों में की जाती है। शंख श्रावक के वर्णन से यह ज्ञात होता है कि अशन, पान आदि का त्याग किए बिना भी पोषध किया जाता था।

वसुनन्दि श्रावकाचार में प्रोषध के तीन प्रकार बतलाए गये हैं—उत्तम, मध्यम और जघन्य। उत्तम प्रोषध में चतुर्विध आहार और मध्यम प्रोषध में जल छोड़कर त्रिविध आहार का प्रत्याख्यान किया जाता है। आयंबिल (आचाम्ल), निर्विकृति, एकस्थान और एकभक्त को जघन्य प्रोषध कहा जाता है। विशेष जानकारी के लिए देखें—वसुनन्दि श्रावकाचार श्‍लोक २८०-२९४।

स्थानांग में 'पोषधोपवास' और 'परिपूर्ण पोषध'—ये दो शब्द मिलते हैं। पोषध (पर्व दिन) में जो उपवास किया जाता है, उसे पोषधोपवास कहा जाता है। पर्व तिथियों में दिन-रात तक आहार, शरीर-सत्कार आदि को त्याग ब्रह्मचर्य पूर्वक जो धर्माराधना की जाती है उसे परिपूर्ण पोषध कहा जाता है।

उक्त वर्णन के आधार पर पोषध की परिभाषा इस प्रकार बनती है—अष्टमी, चतुर्दशी, पूर्णिमा आदि पर्व-तिथियों में गृहस्थ उपवास पूर्वक धार्मिक आराधना करता है, उस व्रत को पोषध कहा जाता है। बौद्ध साहित्य में भी चतुर्दशी और पूर्णिमा को उपोसथ करने का वर्णन मिलता है। शान्त्याचार्य ने आसनेन का एक श्‍लोक उद्धृत किया है। उसमें भी अष्टमी और पूर्णिमा का पोषध करने का विधान है। 'पोसह' शब्द का मूल 'उपवसथ' होना चाहिये। 'पोसह' का संस्कृत रूप पोषध किया जाता है और उसकी व्युत्पत्ति की जाती है—पोषध अर्थात् धर्म की पुष्टि को धारण करने वाला। यह इस भावना को अभिव्यक्त नहीं करती।

चतुर्दशी आदि पर्व-तिथियों को उपवास करने का विधान है, इसलिये वे तिथियां भी 'उपोस्थि' कहलाती हैं। और उन तिथियों में की जाने वाली उपवास आदि धर्माराधना को भी उपोसथ कहा जाता है। उपोसथ के उकार का अन्तर्धान और 'थ' को 'ह' करने पर उपोसथ का 'पोसह' रूप भी हो सकता है।

बौद्ध-सम्मत उपोसथ तीन प्रकार का होता है—(१) गोपाल-उपोसथ (२) निर्ग्रन्थ-उपोसथ (३) आर्य-उपोसथ।

(१) गोपाल-उपोसथ

जैसे ग्वाला मालिकों को गाएं सौंपकर यह सोचता है कि आज गायों ने अमुक-अमुक जगह चराई की, कल अमुक-अमुक जगह चरेंगी। उसी प्रकार उपोसथ व्रती ऐसा सोचता है कि आज मैंने यह खाया, कल क्या खाऊंगा आदि। वह लोभयुक्त चित्त से दिन गुजार देता है, यह गोपाल-उपसथ-व्रत है। इसका न महान् फल होता है, न महान् परिणाम होता है, न महान् प्रकाश होता है और न महान् विस्तार।

(२) निर्ग्रन्थ-उपोसथ

निर्ग्रन्थ अपने अनुयायियों को इस प्रकार व्रत लिवाते हैं—पूर्व, पश्‍चिम, उत्तर और दक्षिण दिशा में सौ-सौ योजन तक जितने प्राणी हैं तू उन्हें दण्ड से मुक्त कर। इस प्रकार कुछ के प्रति दया व्यक्त करते हैं और कुछ के प्रति नहीं। निर्ग्रन्थ कहते हैं—तू सभी वस्तुओं को त्याग कर इस प्रकार व्रत ले। न मैं कहीं किसी का हूं और न मेरा कहीं कोई कुछ है—ऐसा व्रत लेना मिथ्या है, झूठा है। वे मृषावादी हैं। उस रात्रि के बीतने पर वे उन त्यक्त वस्तुओं को बिना किसी के दिये ही उपयोग में लाते हैं। इस प्रकार वे चोरी करने वाले होते हैं। इस व्रत का न महान् फल होता है, न महान् परिणाम होता है, न महान् प्रकाश होता है और न महान् विस्तार।

(३) आर्य-उपोसथ

आर्य-श्रावक तथागत का अनुस्मरण करता है। उसका चित्त मेल रहित हो जाता है। आर्य-श्रावक धर्म का, संघ का, देवताओं का अनुस्मरण करता है। वह हिंसा, चोरी, अब्रह्मचर्य, मृषावाद का त्याग करता है, एकाहारी होता है।

पाणं न हाने न चादिन्नं आदिए।

मुसा न भासे न च मज्जपो सिया।।

अब्रह्मचर्य्या विरमेय्य मेथुना।

रत्तिं न भुंजेय्य विकालभोजनं।।

मालं न धारेय्य न च गन्धआचरे।

मंचे छमायं वसथेय सन्थते।।

एतं हि अट्ठंगिकमाहुपोसथं।

बुद्धेण दुक्खंतगुणं पकासितं।।

चातुद्दसी पंचदसी याव पक्खस्स अट्ठमी।

पाटिहारियपक्खंच अट्ठंगसुसमागतं।

उपोसथं उपवसेय्य, यो पंस्स मादिसो नरो।।

इन प्रकारों में निर्ग्रन्थ-उपोसथ पर कुछ आक्षेप किये गये हैं। किन्तु उपोसथ की साधना अमुक काल के लिये की जाती है और उसके व्रत भी अमुक काल तक स्वीकार किए जाते हैं—इस तथ्य को अनाग्रह-बुद्धि से समझने का प्रयत्‍न किया जाता तो ये आक्षेप आवश्यक नहीं होते।

३८. औदारिक शरीर (छविपव्वाओ) :

छवि का अर्थ है चमड़ी और पर्व का अर्थ है शरीर के संधिस्थल—घुटना, कोहनी आदि। छविपर्व का तात्पर्यार्थ है—औदारिक—चर्म, अस्थि आदि से बना हुआ शरीर।

३९. यक्ष.सलोकता....को प्राप्त होता है (जक्ख सलोगयं)

यक्ष-सलोकता—देवों के तुल्य लोक अर्थात् देवगति। 'ऐतरेय आरण्यक' और 'बृहदारण्यक उपनिषद्' में सलोकता का प्रयोग मिलता है।

आचार्य सायण और शंकराचार्य ने सलोकता का अर्थ 'समान-लोक या एक स्थान में बसना' किया है।

दीघनिकाय के अनुवाद में भी इसका अर्थ यही है। दीघनिकाय मूल में सलोकता के अर्थ में सहव्यता का प्रयोग मिलता है।

४०. उत्तरोत्तर (.....अणुपुव्वसो)

सौधर्म देवलोक से अनुत्तरविमान पर्यन्त देवलोकों में निवास करने वाले देवों में मोह आदि क्रमश: कम होते जाते हैं। अनुत्तर विमान वासी देवों का मोह अत्यंत उपशांत होता है। वे वीतराग की-सी स्थिति में रहते हैं। 'अणुपुव्वसो' शब्द से यही सूचित किया गया है।

तत्त्वार्थ के अनुसार देवलोकों में उत्तरोत्तर अभिमान कम होता है। वे देव स्थान, परिवार, शक्ति, अवधि, सम्पत्, आयुष्य की स्थिति आदि का अभिमान नहीं करते।

४१. उत्तम (उत्तराइं)

चूर्णिकार और वृत्तिकार ने इसका अर्थ—सबसे ऊपर स्थित देवलोक—अनुत्तरविमान किया है। किन्तु पूरे श्‍लोक के संदर्भ में यह अर्थ विमर्शणीय है। इसका अर्थ यदि अनुत्तरविमान किया जाए तो अगले श्‍लोक में प्रयुक्त 'कामरूविणो' की संगति नहीं बैठती। इसीलिए उन्हें स्पष्टीकरण देना पड़ा, अन्यथा उसकी आवश्यकता नहीं होती।

प्रस्तुत श्‍लोक में 'उत्तराइं' के द्वारा सभी देवलोक विवक्षित हैं, केवल अनुत्तरविमान ही नहीं।

४२. मोह रहित (विमोहाइं) :

चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—अन्धकार रहित और स्त्रियों से रहित। शान्त्याचार्य के अनुसार वे कामात्मक मोह से रहित होते हैं। द्रव्य-मोह (अन्धकार) तथा भाव-मोह (मिथ्यादर्शन)—ये दोनों वहां नहीं होते इसलिए उन्हें विमोह कहा गया है।

४३. दीप्तिमान् (समिद्धा)

'समिद्ध' शब्द के संस्कृतरूप दो हो सकते हैं—समिद्ध और समृद्ध। समिद्ध का अर्थ है—दीप्तिमान् और समृद्ध का अर्थ है—वैभवशाली। शान्त्याचार्य ने पहला अर्थ मान्य किया है। चूर्णिकार तथा नेमिचन्द्र ने दूसरा अर्थ मान्य किया है।

४४. अभी उत्पन्न हुए हों—ऐसी कान्ति वाले (अहुणोववन्नसंकासा)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—अभिनव उत्पन्न की तरह किया है। टीकाकारों ने इसका अर्थ 'प्रथम उत्पन्न देवता के तुल्य' किया है। इसका तात्पर्य है कि उनमें औदारिक शरीरगत अवस्थाएं नहीं होतीं। वे न बालक होते हैं और न बूढ़े, सदा एक से रहते हैं। उनका रूप-रंग और लावण्य जैसा उत्पत्ति के समय होता है वैसा ही अन्तकाल में होता है।

४५. जो उपशान्त होते हैं (जे संति परिनिव्वुडा)

इसमें 'सन्ति' क्रियापद है। फिर भी व्याख्याकारों ने इसका मूल अर्थ इस प्रकार किया है—जो मुनि शान्तिपरिनिर्वृत होता है अर्थात् शान्ति या उपशम से शीतीभूत, कषाय रहित, कषायरूपी अग्‍नि को बुझाने वाला होता है।

शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप में 'सन्ति' को क्रियापद मानकर इसका अर्थ—विद्यन्ते किया है।

४६. (श्‍लोक २९)

सभी प्रकार के भयों में मरण का भय अत्यंत कष्टप्रद होता है। कभी-कभी ऐसे अवसर भी आते हैं कि वास्तविक मृत्यु से मरने वाले लोगों से भी अधिक लोग मृत्यु के भय से मर जाते हैं।

महामारी घोड़े पर चढ़ कर जा रही थी। एक व्यक्ति सामने मिला। उसने पूछा कौन हो तुम? उसने कहा—मैं महामारी हूं। तुम कहां जा रही हो? क्यों जा रही हो?

महामारी बोली—मैं अमुक नगर में हजार व्यक्तियों को मारने जा रही हूं। कुछ दिनों बाद वह उसी रास्ते से लौटी। संयोगवश वही व्यक्ति पुन: मिल गया। उसने कहा—देवी! तुम तो गई थी हजार आदमियों को मारने और वहां मरे हैं पांच हजार आदमी। तुमने झूठ क्यों कहा? महामारी बोली—भैया! मैंने झूठ नहीं कहा। मैंने तो हजार व्यक्तियों को ही मारा था। शेष चार हजार आदमी मौत के भय से मर गए। उसका मैं क्या करूं?

इसी अध्ययन के सोलहवें श्‍लोक में 'तओ से मरणंतंमि, बाले संतस्सई भया'—ऐसा उल्लेख है। इसका तात्पर्य है कि बाल-अज्ञानी व्यक्ति अपने जीवनकाल में धर्म को छोड़कर अधर्म से जीवन-यापन करता है। वह मरणकाल में परलोक-गमन—नरकगमन के भय से संत्रस्त हो जाता है। वह सोचता है मैंने नरक-प्रायोग्य कर्म किए हैं और मुझे उनको भोगना है।

प्रस्तुत श्‍लोक में 'न संतसन्ति मरणन्ते'.....पद के तात्पर्यार्थ में बताया है कि शीलवान् और संयमी मुनि मरणकाल में भी संत्रस्त नहीं होता। वह जानता है कि उसकी सुगति होगी, क्योंकि उसने धर्म के प्रशस्त मार्ग का अनुसरण किया है। वह संलेखना कर, अनशनपूर्वक मृत्यु का स्वेच्छा से वरण करता है।

इस शताब्दी के महान् वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन ने अपना अन्त निकट जानकर कहा था—मुझे जितना जीना था, उतना जी लिया, अब जबरदस्ती मैं जीवन को लंबाना नहीं चाहता।

यह भावना भी 'न संतसंति मरणंते' की ही द्योतक है।

नेमिचन्द ने यहां एक सुन्दर पद्य उद्धृत किया है—

'सुगहियतवपव्वयणा, विसुद्धसम्मत्तणाणचरित्ता।

मरणं उस्सवभूयं मण्णंति समाहियपण्णओ।।'

अर्थात् जिनके पास तप रूपी पाथेय है, जिनकी श्रद्धा, ज्ञान और चारित्र विशुद्ध है, वे समाहित आत्मा वाले मुनि मरण को उत्सव मानते हैं।

४७. अहिंसाधर्मोचित सहिष्णुता (दयाधम्मस्स खंतिए)

दया का अर्थ है—अहिंसा और क्षान्ति का अर्थ है—सहिष्णुता। अहिंसा और सहिष्णुता में गहरा संबंध है। कष्ट सहने की क्षमता को विकसित किए बिना अहिंसा का विकास संभव नहीं है। इस विषय में सूत्रकृतांग आगम का यह श्‍लोक द्रष्टव्य है—

'धुणिया कुलियं व लेववं, कसए देहमणसणादिहिं।

अविहिंसामेव पव्वए, अणुधम्मो मुणिणा पवेइओ।।'

वृत्तिकार शान्त्याचार्य ने 'दयाधम्मस्स..........' का अर्थ दसविध मुनिधर्म किया है।

४८. तथाभूत (उपशान्त) (तहाभूएण)

थाभूत का अर्थ है—आत्मभूत, स्वाभाविक। वही आत्मा तथाभूत होती है जो राग-द्वेष से रहित होती है। यह चूर्णि का अभिमत है।

शान्त्याचार्य ने तथाभूत का अर्थ उपशांत मोह किया है।

इसका वैकल्पिक अर्थ है—मरणकाल से पूर्व जो मुनि अनाकुलचित्त वाला था, वह मरणकाल में भी वैसा ही रहे, वह तथाभूत होता है।

४९. प्रसन्न रहे.....उद्विग्‍न न बने (विप्पसीएज्ज)

इसका तात्पर्य यह है कि मुनि पंडितमरण और बालमरण—दोनों की परीक्षा कर अपने कषायों का अपनयन कर प्रसन्न रहे, स्वस्थ रहे। अपनी तपस्या का गर्व कर वह अपनी आत्मा को कलुषित न करे।

एक शिष्य तपस्या में संलग्‍न था। उसने बारह वर्ष की संलेखना की। एक दिन वह गुरु के पास आकर बोला—गुरुदेव! अब मैं क्या करूं? गुरु उसकी आंतरिकता से परिचित थे। उन्होंने कहा—वत्स! कृश कर। वह समझा नहीं। बार-बार पूछने पर भी गुरु का यही उत्तर रहा—कृश कर, कृश कर। एक ही उत्तर सुनकर शिष्य तिलमिला उठा और उसने अपनी अंगुली को तड़ाक से तोड़ते हुए कहा—अब और क्या कृश करूं? शरीर तो अस्थिपंजर मात्र रह गया है। गुरु बोले—जिससे प्रेरित होकर तूने अंगुली तोड़ी, उस प्रेरणा को कृश कर, क्रोध को कृश कर, कषाय को कृश कर। अब वह समझ गया।

५०. जब मरण अभिप्रेत हो (तओ काले अभिप्पेए)

प्रश्‍न होता है कि क्या कभी मरण भी अभिप्रेत होता है? आदमी मरना कब और क्यों चाहता है? इस प्रश्‍न का समाधान है कि जब मुनि यह देखता है कि उसकी मन, वचन और काया की शक्ति क्षीण हो रही है, ज्ञान, दर्शन और चारित्र के गुणों की अभिवृद्धि नहीं हो रही है, तब उसे मरण अभिप्रेत होता है।

इसकी ध्वनि यह है कि मनुष्य जैसे जीने के लिए स्वतंत्र है वैसे मरने के लिए भी स्वतंत्र है। मरण भी वांछनीय है। उसकी शर्त है कि वह आवेशकृत न हो। जब यह स्पष्ट प्रतीत होने लगे कि योग क्षीण हो रहे हैं, उस समय समाधिपूर्ण मरण वांछनीय है।

५१. कष्टजनित रोमांच को (लोमहरिसं)

चूर्णिकार ने रोमांचित होने के तीन कारण माने हैं— (१) भय (२) अनुकूल उपसर्ग और (३) हर्ष।

'रलयोरैक्यं'—इस न्याय से लोमहरिस शब्द के दो संस्कृत रूप बनते हैं—लोमहर्षं और रोमहर्षं।

५२. (भेयं देहस्स कंखए)

मुनि शरीर के भेद की प्रतीक्षा करे। चूर्णिकार का मानना है कि औदारिक शरीर के भेद की नहीं, किन्तु आठ प्रकार के कर्मरूपी शरीर के भेद की आकांक्षा करें।

वृत्तिकार ने माना है कि मुनि मरण की आशंसा न करे, किन्तु शरीर की सार-संभाल न करता हुआ मरण की प्रतीक्षा करे। मुनि के लिए मरण की आशंसा वर्जनीय है।

५३. मरण-काल प्राप्त होने पर (अह कालम्मि संपत्ते)

मुनि अपनी संयम-यात्रा का निर्वहन करते-करते जब यह देखता है कि शरीर और इन्द्रियों की हानि हो रही है, योग क्षीण हो रहे हैं, स्वाध्याय आदि में बाधा आ रही है, तब वह शरीर-त्याग की तैयारी में लग जाए। वह सोचे, मुझे जो करना था, वह मैं कर चुका हूं। मुझ पर जो दायित्व था, उसका मैंने उचित निर्वाह किया है—

'निप्फाइया य सीसा, सउणी जह अंडयं पयत्तेणं।

बारससंवच्छरियं, अह संलेहं ततो करइ।।'

जैसे पक्षिणी अपने अंडे को प्रयत्‍नपूर्वक सेती हुई उसे निष्पादित करती है, वैसे ही मैंने भी अपने गण में शिष्यों का निष्पादन कर अपने दायित्व का निर्वाह किया है। अब मरणकाल संप्राप्त है, अत: मुझे बारह वर्षों की संलेखना में लग जाना चाहिए। यह सोच वह तपोयोग में संलग्‍न हो जाता है।

५४. शरीर का त्याग करता है (आघायाय समुस्सयं)

शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ 'बाह्य और आंतरिक शरीर का नाश करता हुआ' किया है।९ इस अर्थ के आधार पर इसका संस्कृत रूप—'आघातयन् समुच्छ्यम्' बनता है। इस चरण का वैकल्पिक अर्थ 'शरीर के विनाश का अवसर आने पर' भी किया गया है। यह अर्थ करने में विभक्ति का व्यत्यय मानना पड़ा, अत: इसमें उसका संस्कृत रूप भी बदल गया, जैसे—'आघाताय समुच्छ्रयस्य'। आचारांग (१।४।४४) वृत्ति में समुच्छ्रय का अर्थ 'शरीर' किया गया है। बौद्ध साहित्य में समुच्छ्रय का अर्थ 'देह' मिलता है।२ इस श्‍लोक में 'आघायाय' शब्द 'आघायाये' के स्थान पर प्रयुक्त हुआ है—ऐसा सरपेन्टियर ने लिखा है और उन्होंने पिसेल का नामोल्लेख कर अपनी बात की पुष्टि की है।

५५. तीनों में से किसी एक को (तिण्हमन्नयरं)

भक्त-परिज्ञा, इंगिनी और पादोपगमन—ये अनशन के तीन प्रकार हैं। मुनि को इन तीनों में से किसी एक के द्वारा देह-त्याग करना चाहिए। इसलिए उसके मरण के भी ये तीन प्रकार के हो जाते हैं। चतुर्विध आहार तथा बाह्य और आभ्यन्तर उपधि का जो यावज्जीवन के लिए प्रत्याख्यान किया जाता है उस अनशन को भक्त-परिज्ञा कहा जाता है। इंगिनी में अनशन करने वाला निश्‍चित स्थान में ही रहता है, उससे बाहर नहीं जाता। पादोपगमन में अनशन करने वाला कटे हुए वृक्ष की शाखा की भांति स्थिर रहता है और शरीर की सार-संभाल नहीं करता।

♦

छठा अध्ययन : क्षुल्लकनिर्ग्रन्थीय

06

छठा अध्ययन : क्षुल्लक-निर्ग्रन्थीय

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'खुड्डागनियंठिज्जं'—'क्षुल्लक- निर्ग्रन्थीय' है। दशवैकालिक के तीसरे अध्ययन का नाम 'खुड्डियायारकहा'—'क्षुल्लकाचारकथा' और छठे अध्ययन का नाम 'महायारकहा'—'महाचारकथा' है। इनमें क्रमश: मुनि के आचार का संक्षिप्त और विस्तृत निरूपण हुआ है। इसी प्रकार इस अध्ययन में भी निर्ग्रन्थ के बाह्य और आभ्यन्तर ग्रन्थ-त्याग (परिग्रह-त्याग) का संक्षिप्त निरूपण है।

'निर्ग्रन्थ' शब्द जैन-दर्शन का बहुत प्रचलित और बहुत प्राचीन शब्द है। बौद्ध-साहित्य में स्थान-स्थान पर भगवान् महावीर को 'निगण्ठ' (निर्ग्रन्थ) कहा है। तपागच्छ पट्टावली के अनुसार सुधर्मा स्वामी से आठ आचार्यों तक जैनधर्म 'निर्ग्रन्थ-धर्म' के नाम से प्रचलित था। अशोक के एक स्तम्भ-लेख में भी 'निर्ग्रन्थ' का द्योतक 'निघंठ' शब्द प्रयुक्त हुआ है।

अविद्या और दु:ख का गहरा सम्बन्ध है। जहां अविद्या है वहां दु:ख है, जहां दु:ख है, वहां अविद्या है। पतंजलि के शब्दों में अविद्या का अर्थ है—अनित्य में नित्य की अनुभूति, अशुचि में शुचि की अनुभूति, दु:ख में सुख की अनुभूति और अनात्मा में आत्मा की अनुभूति।

सूत्र की भाषा में विद्या का एक पक्ष है सत्य और दूसरा पक्ष है मैत्री—'अप्पणा सच्चमेसेज्जा मेत्तिं भूएसु कप्पए, (श्‍लोक २)। जो कोरे विद्यावादी या ज्ञानवादी हैं उनकी मान्यता है कि यथार्थ को जान लेना पर्याप्त है, प्रत्याख्यान की कोई आवश्यकता नहीं है। क्रिया का आचरण उनकी दृष्टि में व्यर्थ है। किन्तु भगवान् महावीर इसे वाग्वीर्य मानते थे, इसलिए उन्होंने आचरण-शून्य भाषावाद और विद्यानुशासन को अत्राण बतलाया (श्‍लोक ८-१०)।

ग्रन्थ (परिग्रह) को त्राण मानना भी अविद्या है। इसलिए भगवान् महावीर ने कहा—''परिवार त्राण नहीं है'', ''धन भी त्राण नहीं है'' (श्‍लोक ३-५)। और तो क्या, अपनी देह भी त्राण नहीं है। साधु देह-मुक्त नहीं होता फिर भी प्रतिपल उसके मन में यह चिन्तन होना चाहिए कि देह-धारण का प्रयोजन पूर्व-कर्मों को क्षीण करना है। लक्ष्य जो है वह बहुत ऊंचा है, इसलिए साधक को नीचे कहीं भी आसक्त नहीं होना चाहिए। उसकी दृष्टि सदा ऊर्ध्वगामी होनी चाहिए (श्‍लोक १३)। इस प्रकार इस अध्ययन में अध्यात्म की मौलिक विचारणाएं उपलब्ध हैं।

इस अध्ययन के अन्तिम श्‍लोक का एक पाठान्तर है। उसके अनुसार इस अध्ययन के प्रज्ञापक भगवान् पार्श्‍वनाथ हैं।

मूल—

एवं से उदाहु अणुत्तरनाणी अणुत्तरदंसी अणुत्तरनाणदंसणधरे।

अरहा नायपुत्ते भगवं वेसालिए वियाहिए।।

पाठान्तर—

एवं से उदाहु अरिहा पासे पुरिसादाणीए।

भगवं वेसालीए बुद्धे परिणिव्वुए।। (बृहद्वृत्ति, पत्र २७०)

यद्यपि चूर्णि और टीकाकार ने इस पाठान्तर का अर्थ भी महावीर से सम्बन्धित किया है। 'पास' का अर्थ है—'पश्यतीति पाश:' या 'पश्य:' किया है। किन्तु यह संगत नहीं लगता। पुरुषादानीय—यह भगवान् पार्श्‍वनाथ का सुप्रसिद्ध विशेषण है। इसलिए उसके परिपार्श्‍व में 'पास' का अर्थ पार्श्‍व ही होना चाहिये। यद्यपि 'वेसालीय' विशेषण भगवान् महावीर से अधिक सम्बन्धित है फिर भी इसके जो अर्थ किये गए हैं उनकी मार्यादा से वह भगवान् पार्श्‍व का भी विशेषण हो सकता है। भगवान् पार्श्‍व इक्ष्वाकुवंशी थे। उनके गुण विशाल थे और उनका प्रवचन भी विशाल था, इसलिए उनके 'वैशालिक' होने में कोई आपत्ति नहीं आती। इस पाठान्तर के आधार से यह अनुमान किया जा सकता है कि यह अध्ययन मूलत: पार्श्‍व की परम्परा का रहा हो और इसे उत्तराध्ययन की श्रृंखला में सम्मिलित करते समय इसे महावीर की उपदेश-धारा का रूप दिया गया हो।

छट्ठं अज्झयणं : खुड्डागनियंठिज्जं

छठा अध्ययन : क्षुल्लक-निर्ग्रन्थीय

मूल

१. जावंतऽविज्जापुरिसा, सव्वे ते दुक्खसंभवा।

लुप्पंति बहुसो मूढा, संसारंमि अणंतए।।

हिन्‍दी अनुवाद

जितने अविद्यावान्१ (मिथ्यात्व से अभिभूत) पुरुष हैं, वे सब दु:ख को उत्पन्न करने वाले हैं।२ वे दिङ्मूढ़ की भांति मूढ़ बने हुए इस अनन्त संसार में बार-बार लुप्त होते हैं।३

२. समिक्ख पंडिए तम्हा, पासजाईपहे बहू।

अप्पणा सच्चमेसेज्जा, मेत्तिं भूएसु कप्पए।।

इसलिए पण्डित पुरुष प्रचुर पाशों (बन्धनों) व जाति-पथों४ (जन्म मरण का पथ) की समीक्षा कर स्वयं सत्य की गवेषणा करे५ और सब जीवों के प्रति मैत्री का आचरण करे।६

३. माया पिया ण्हुसा भाया, भज्जा पुत्ता य ओरसा।

नालं ते मम ताणाय, लुप्पंतस्स सकम्मुणा।।

जब मैं अपने द्वारा किए गए कर्मों से छिन्न-भिन्न होता हूं, तब माता, पिता, पुत्र-वधू, भाई, पत्‍नी और पुत्र—ये सभी मेरी रक्षा करने में समर्थ नहीं होते।

४. एयमट्ठं सपेहाए, पासे समियदंसणे।

छिंद गेहिं सिणेहं च, न कंखे पुव्वसंथवं।।

सम्यक्दर्शन वाला पुरुष७ अपनी प्रेक्षा से८ यह अर्थ—कोई त्राण नहीं है—देखे९ और उसके प्रति जो गृद्धि और स्‍नेह१० है उसका छेदन करे तथा परिचय की अभिलाषा न करे।

५. गवासं मणिकुंडलं, पसवो दासपोरुसं।

सव्वमेयं चइत्ताणं, कामरूवी भविस्ससि।।

गाय, घोड़ा, मणि, कुण्डल, पशु, दास और कर्मकरों का समूह११—इन सबको छोड़। ऐसा करने पर तू कामरूपी (इच्छानुकूल रूप बनाने में समर्थ) होगा।

(थावरं जंगमं चेव, धणं धण्णं उवक्खरं।

पच्चमाणस्स कम्मेहिं, नालं दुक्खाउ मोयणे।।)

(चल और अचल सम्पत्ति, धन, धान्य और गृहोपकरण—ये सभी पदार्थ कर्मों से दु:ख पाते हुए प्राणी को दु:ख से मुक्त करने में समर्थ नहीं होते हैं।)

६. अज्झत्थं सव्वओ सव्वं, दिस्स पाणे पियायए।

न हणे पाणिणो पाणे, भयवेराओ उवरए।।

सब दिशाओं से होने वाला सब प्रकार का अध्यात्म-जीवन की आशंसा१२ जैसे मुझमें है वैसे ही दूसरों में है। सब प्राणियों को अपना जीवन प्रिय है१३—इस सत्य को देखकर भय और वैर से उपरत पुरुष प्राणियों के प्राणों का घात न करे।१४

७. आयाणं नरयं दिस्स, नायएज्ज तणामवि।

दोगुंछी अप्पणो पाए, दिन्नं भुंजेज्ज भोयणं।।

''परिग्रह नरक है''१५—यह देखकर वह एक तिनके को भी अपना बनाकर न रखे। अहिंसक या करुणाशील मुनि१६ अपने पात्र में गृहस्थ द्वारा प्रदत्त१७ भोजन करे।

८. इहमेगे उ मन्नंति, अप्पच्चक्खाय पावगं।

आयरियं विदित्ताणं, सव्वदुक्खा विमुच्चई।।

इस संसार में कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि पापों का त्याग किये बिना ही तत्व को१८ जानने मात्र से जीव सब दु:खों से मुक्त हो जाता है।

९. भणंता अकरेंता य, बंधमोक्खपइण्णिणो।

वायाविरियमेत्तेण, समासासेंति अप्पयं।।

''ज्ञान से ही मोक्ष होता है''—जो ऐसा कहते हैं, पर उसके लिए कोई क्रिया नहीं करते, वे केवल बन्ध और मोक्ष के सिद्धान्त की स्थापना करने वाले हैं। वे केवल वाणी के वीर्य (वाचालता) से अपने आपको आश्‍वस्त करते हैं।

१०. न चित्ता तायए भासा, कओ विज्जाणुसासणं?

विसन्ना पावकम्मेहिं, बाला पंडियमाणिणो।।

विविध१९ भाषाएं त्राण नहीं होतीं। विद्या का नुशासन२० भी कहां त्राण देता है? (जो इनको त्राण मानते हैं वे) अपने आपको पण्डित मानने वाले अज्ञानी मनुष्य प्राय: कर्मों द्वारा विषाद को प्राप्त हो रहे हैं।

११. जे केई सरीरे सत्ता, वण्णे रूवे य सव्वसो।

मणसा कायवक्केणं, सव्वे ते दुक्खसंभवा।।

जो कोई मन, वचन और काया से शरीर, वर्ण और रूप में सर्वश: आसक्त होते हैं, वे सभी अपने लिए दु:ख उत्पन्न करते हैं।२१

१२. आवन्ना दीहमद्धाणं, संसारंमि अणंतए।

तम्हा सव्वदिसं पस्स, अप्पमत्तो परिव्वए।।

वे इस अनन्त संसार में जन्म-मरण के लम्बे मार्ग को२२ प्राप्त किए हुए हैं। इसलिए सब दिशाओं२३ (दृष्टिकोणों) को देखकर मुनि अप्रमत्त होकर विचरे।

१३. बहिया उड्ढमादाय, नावकंखे कयाइ वि।

पुव्वकम्मखयट्ठाए, इमं देहं समुद्धरे।।

बाह्य—शरीर से भिन्न ऊर्ध्व—आत्मा है इसे स्वीकार कर२४ किसी प्रकार की आकांक्षा न करे।२५ पूर्व कर्मों के क्षय के लिए ही इस शरीर को धारण करे।२६

१४. विविच्च कम्मुणो हेउं, कालकंखी परिव्वए।

मायं पिंडस्स पाणस्स, कडं लद्धूण भक्खए।।

कर्म के हेतुओं२७ का विवेचन (विश्‍लेषण या पृथक्करण) कर मुनि मृत्यु की प्रतीक्षा२८ करता हुआ विचरे। संयम-निर्वाह के लिए आहार और पानी की२९ जितनी मात्रा आवश्यक हो उतनी गृहस्थ के घर में सहज निष्पन्न भोजन से प्राप्त कर आहार करे।

१५. सन्निहिं च न कुव्वेज्जा, लेवमायाए संजए।

पक्खी पत्तं समादाय, निरवेक्खो परिव्वए।।

संयमी मुनि पात्रगत लेप को छोड़कर अन्य किसी प्रकार के आहार का संग्रह न करे।३० पक्षी अपने पंखों को साथ लिए उड़ जाता है वैसे ही मुनि अपने पात्रों को साथ ले, निरपेक्ष हो, परिव्रजन करे।३१

१६. एसणासमिओ लज्जू, गामे अणियओ चरे।

अप्पमत्तो पमत्तेहिं, पिंडवायं गवेसए।।

एषणा-समिति से युक्त और लज्जावान् मुनि३२ गांवों में अनियत चर्या करे। वह अप्रमत्त रहकर गृहस्थों से३३ पिण्डपात की गवेषणा करे।३४

१७. एवं से उदाहु अणुत्तरनाणी, अणुत्तरदंसी अणुत्तरनाणदंसणधरे।

अरहा नायपुत्ते, भगवं वेसालिए वियाहिए।।

अनुत्तर-ज्ञानी, अनुत्तर-दर्शी, अनुत्तर-ज्ञानदर्शनधारी३५, अर्हन्, ज्ञातपुत्र३६, वैशालिक३७ और व्याख्याता भगवान् ने ऐसा कहा है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

छठा अध्ययन ६ : क्षुल्लक-निर्ग्रन्थीय

१. अविद्यावान् (अविज्जा)

अविद्या शब्द के अनेक अर्थ हैं—आध्यात्मिक अज्ञान, भ्रान्ति या माया, अज्ञान, मिथ्यादर्शन, तत्त्वज्ञान का अभाव आदि।

प्रस्तुत प्रकरण में चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—अज्ञान और मिथ्यादर्शन। शान्त्याचार्य के अनुसार इसके दो अर्थ ये हैं—तत्त्वज्ञान से शून्य, पर्याप्त ज्ञान से रहित। जिसमें तत्त्वज्ञानात्मिका विद्या न हो उसे 'अविद्य' कहा जाता है। अविद्य का अर्थ सर्वथा अज्ञानी नहीं, किन्तु अतत्त्वज्ञ है। जीव सर्वथा ज्ञानशून्य होता ही नहीं। यदि ऐसा हो तो फिर जीव और अजीव में कोई भेद ही नहीं रह जाता।

यहां 'अविद्या' का अर्थ मिथ्यादर्शन होना चाहिए। पतंजलि के अनुसार अनित्य आदि में नित्य आदि की अनुभूति 'अविद्या' है।

२. वे सब दु:ख को उत्पन्न करने वाले हैं (सव्वे ते दुक्खसंभवा)

सभी अविद्यावान् पुरुष दु:ख को उत्पन्न करने वाले हैं। चूर्णिकार ने यहां एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत किया है—

नात: परतरं मन्ये, जगतो दु:खकारणम्।

यथाऽज्ञानमहारोगं, सर्वरोगप्रणायकम्।।

शान्त्याचार्य ने दु:ख का अर्थ—पाप कर्म किया है।

अज्ञान से होने वाले दु:ख को समझाने के लिए व्याख्याकारों ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है—एक आलसी व्यक्ति गरीबी से प्रताड़ित होकर घर से धन कमाने निकला। वह सभी नगरों और गांवों में घूमा। उसे कहीं कुछ नहीं मिला। उसने घर की ओर प्रस्थान किया। रास्ते में वह एक देव मंदिर में ठहरा। वह गांव चांडालों का था। रात में उसने देखा, एक चांडाल मंदिर में आया है। उसके हाथ में एक विचित्र घड़ा है। उसने घडे़ को एक ओर रखा और कहा—मेरे लिए घर, शय्या और स्त्री की व्यवस्था करो। देखते-देखते वहां सब उपस्थित हो गए। उस चांडाल ने स्त्री के साथ भोग भोगा। प्रभात होते-होते विद्या का साहरण किया और सब कुछ पूर्ववत् हो गया।

उस आलसी का मन ललचाया। उसने सोचा, व्यर्थ ही परिभ्रमण से क्या? मैं इस चांडाल की सेवा कर घड़े को प्राप्त कर लूं तो सब कुछ हो जाएगा। वह उस चांडाल की सेवा करने लगा। कुछ दिन बीते। एक दिन चांडाल ने पूछा—क्या चाहता है तू? वह बोला—आप जैसा जीवन जी रहे हैं, मैं भी वैसा ही जीवन जीना चाहता हूं। चांडाल बोला—घड़ा लोगे या विद्या? उसने सोचा, विद्या साधने का कष्ट कौन करेगा। उसने कहा—घड़ा दो। उसे घड़ा मिल गया। वह घर पहुंचा। घड़े के प्रभाव से उसे सारी सामग्री मिली। एक दिन वह मद्यपान कर, घड़े को वह कंधे पर रख नाचने लगा। प्रमाद बढ़ा। घड़ा जमीन पर गिरा और फूट गया। साथ ही साथ विद्या के प्रभाव से होने वाली सारी लीला समाप्त हो गई। अब वह सोचने लगा, यदि मैं उस चांडाल से घड़ा न लेकर विद्या लेता तो कितना अच्छा होता! पर अब...। वह पुन: दरिद्रता के दु:खों से घिर गया।

३. बार-बार लुप्त होते हैं (लुप्पंति बहुसो मूढा)

चूर्णि में 'लुप्पन्ति' का अर्थ है—शारीरिक और मानसिक दु:खों से बाधित होना। वृत्तिकार ने इसका अर्थ दरिद्रता आदि दु:खों से बाधित होना किया है। यहां मूढ़ का अर्थ है—तत्त्व-अतत्त्व के ज्ञान से शून्य, हित-अहित के विवेक से विकल।

४. पाशों (बंधनों) व जातिपथों (पासजाईपहे)

चूर्णि में 'पास' का अर्थ 'पश्य' और 'जातिपथ' का अर्थ चौरासी लाख जीवयोनि किया गया है। वृत्ति में 'पास' का अर्थ 'स्त्री' आदि का संबंध है। वे एकेन्द्रिय आदि जातियों के मार्ग होते हैं, अत: उन्हें जातिपथ कहा गया है। 'पाशजातिपथ' अर्थात् एकेन्द्रिय आदि जातियों में ले जाने वाले स्त्री आदि के संबंध। हमने 'पास' और 'जाइपह' को असमस्त मानकर अनुवाद किया है। आचार्य नेमिचन्द्र ने स्त्री आदि के संबंध के विषय में एक सुन्दर श्‍लोक उद्धृत किया है—

भार्याया निगडं दत्त्वा, न सन्तुष्ट: प्रजापति:।

भूयोऽप्यपत्यदानेन, ददाति गलश्रृंङ्खलाम्।।

प्रजापति ने मनुष्य को भार्यारूपी सांकल देकर भी संतोष नहीं किया। उसने उसी मनुष्य को अनेक सन्तान देकर उसके गले में एक सांकल और डाल दी।

५. स्वयं सत्य की गवेषणा करे (अप्पणा सच्चमेसेज्जा)

इसका तात्पर्य है कि व्यक्ति स्वयं सत्य की खोज करे। जैन दर्शन पुरुषार्थवादी दर्शन है। वह मानता है कि व्यक्ति-व्यक्ति को सत्य की खोज करनी चाहिए। दूसरों के द्वारा खोजा गया सत्य दूसरे के लिए प्रेरक बन सकता है, निमित्त कारण बन सकता है, पर उपादान कारण नहीं हो सकता। व्यक्ति निरन्तर सत्य की खोज करे, रुके नहीं। सत्य की खोज का द्वार बन्द न हो।

वैदिक मानते हैं कि वेद ही प्रमाण हैं, पुरुष प्रमाण हो नहीं सकता, क्योंकि वह सत्य को साक्षात् देख नहीं सकता—'तस्मादतीन्द्रियार्थानां साक्षाद् द्रष्टुरभावत:। नित्येभ्यो वेदवाक्येभ्यो, यथार्थत्वविनिश्‍चय:।' जैन परम्परा मानती है—ग्रन्थ प्रमाण नहीं होता, प्रमाण होता है पुरुष। सर्वज्ञ थे, हैं और होंगे। सर्वज्ञता की नास्ति नहीं मानी जा सकती।

सत्य की खोज के विषय में वैज्ञानिक अवधारणा भी यही है। दूसरे वैज्ञानिकों ने जो खोजा है, उससे आगे बढ़ो और सत्य के एक नए पर्याय को अभिव्यक्ति दो। खोज खोज है। उसमें निर्माणात्मक तत्त्व भी प्राप्त हो सकते हैं और विध्वंसात्मक तत्त्व भी मिल सकते हैं। सत्य की खोज में भी यही लागू होता है। पर जो व्यक्ति 'मित्ति मे सव्वभूएसु'—विश्‍व-मैत्री का सूत्र लेकर चलता है, वह खोजी कहीं विमूढ़ नहीं होता। वह विध्वंस को भी निर्माण में बदल देता है।

चूर्णिकार के अनुसार चार हेतुओं से की जाने वाली सत्य की गवेषणा का कोई अर्थ नहीं होता। वे चार हेतु हैं—(१) किसी दूसरे के विकास के आधार पर सत्य मान लेना (२) भय से (३) लोक-रंजन के लिए और (४) दूसरों के दबाव से।

इसलिए कहा गया है—सर्वदा सर्वत्र आत्मना—स्वयं अपनी स्वतंत्र भावना से सत्य की मार्गणा करे।

सच्चं—चूर्णिकार ने सत्य का अर्थ संयम किया है। वृत्तिकार ने सत् का अर्थ जीव और उसके लिए जो हितकर होता है, उसे सत्य कहा है। यथार्थ-ज्ञान और संयम जीव के लिए हितकर होते हैं। इसलिए ये सत्य कहलाते हैं।

सच्चं—चूर्णिकार ने सत्य का अर्थ संयम किया है। वृत्तिकार ने सत् का अर्थ जीव और उसके लिए जो हितकर होता है, उसे सत्य कहा है। यथार्थ-ज्ञान और संयम जीव के लिए हितकर होते हैं। इसलिए ये सत्य कहलाते हैं।

चूर्णिकार ने नामोल्लेखपूर्वक नागार्जुनीय वाचना का पाठांतर 'अत्तट्ठा सच्चमेसेज्जा' दिया। शान्त्याचार्य ने यह पाठांतर बिना किसी विशेष नाम के निर्दिष्ट किया है। इन दोनों का मानना है कि इस पाठांतर में 'अत्तट्ठा' शब्द विशेष महत्त्व का है। सत्य की खोज का प्रमुख उद्देश्य है 'स्व'। वह 'पर' के लिए नहीं होती।

इस श्‍लोक का सार यह है कि सत्य की खोज स्वयं के लिए स्वयं करो। सत्य की खोज वही व्यक्ति कर सकता है जो बंधनों की समीक्षा में पंडित है, हित-अहित की विवेक-चेतना का धनी हो। सत्य को वही पा सकता है जो स्वतंत्र चेतना से उसकी शोध करता है। सत्य-शोध का नवनीत है—विश्‍वमैत्री, सर्वभूतमैत्री।

६. आचरण करे (कप्पए)

चूर्णिकार ने 'कल्प' शब्द के छह अर्थ निर्दिष्ट किए हैं—

१. सामर्थ्य—आठवें मास में वृत्ति या जीविका में समर्थ होना।

२. वर्णन—विस्तार से वर्णन करने वाला सूत्र—कल्पसूत्र।

३. छेदन—चार अंगुलमात्र केशों को छोड़कर आगे के केशों की कप्पति—काटना।

४. करण—करना।

५. औपम्य—चांद और सूर्य जैसे साधु।

६. अधिवास—सौधर्मकल्पवासी देव।

प्रस्तुत प्रसंग में 'कल्प' शब्द का प्रयोग 'करण'—करने के अर्थ में है।

७. सम्यग् दर्शन वाला पुरुष (समियदंसणे)

जिसका मिथ्यादर्शन शमित हो गया हो उसे शमितदर्शन अथवा जिसे दर्शन समित—प्राप्त हुआ हो उसे समितदर्शन कहा जाता है। इन दोनों का अर्थ है—सम्यग्दृष्टि संपन्न व्यक्ति।

चूर्णिकार ने वैकल्पिक रूप से इसे संबोधन भी माना है।

८. अपनी प्रेक्षा से (सपेहाए)

चूर्णि में इसका अर्थ 'सम्यक्बुद्धि' से है। शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—सम्यक्-बुद्धि से अथवा अपनी बुद्धि से। नेमिचन्द्र ने केवल 'अपनी बुद्धि से' किया है। यही शब्द ७।१९ में आया है। वहां इसका अर्थ 'सम्यक्-आलोचना करके' किया गया है। अपनी बुद्धि से—यह अर्थ अधिक उपयुक्त है।

९. देखे (पासे)

चूर्णि में इसका अर्थ 'पाश'—बंधन है। वृत्तिकार ने इसे क्रियापद मानकर इसका अर्थ—देखे, अवधारण करे—किया है। यही अर्थ प्रासंगिक लगता है।

१०. गृद्धि और स्‍नेह (गेहिं सिणेहं)

गृद्धि का अर्थ है—आसक्ति। वह पशु, धन, धान्य आदि के प्रति होती है। स्‍नेह परिवार, मित्र आदि के प्रति होता है।

गृद्धि किसी मनुष्य के प्रति नहीं हो सकती। यहां गृद्धि और स्‍नेह—दोनों शब्द प्रयुक्त हैं। इसलिए उनमें यह भेदरेखा की गई है।

११. दास और कर्मकरों का समूह (दासपोरुसं)

इसमें दो शब्द हैं—दास और पौरुस। दास का अर्थ है—जो घर की दासी से उत्पन्न हैं अथवा क्रीत हैं, वे दास कहलाते हैं। 'पौरुष' का अर्थ है—पुरुषों का समूह अर्थात् कर्मकरों का समूह।

शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप से 'दासपोरुस' को समस्त पद मानकर इसका अर्थ—दास पुरुषों का समूह किया है।

विस्तार के लिए देखें—३।१६ का टिप्पण।

१२. जीवन की आशंसा (अज्झत्थं)

अध्यात्म का शाब्दिक अर्थ है—आत्मा में होने वाला। प्राणी में कुछ मौलिक मनोवृत्तियां या संज्ञाएं होती हैं। वे सबमें समान रूप से मिलती हैं। जीवन की आशंसा या इच्छा एक मौलिक मनोवृत्ति है। यहां 'अध्यात्म' शब्द के द्वारा वही विवक्षित है। वह व्यापक है, इसलिए उसे 'सव्वओ सव्वं' (सर्वत: सर्वं) कहा गया है।

'अज्झत्थ' के स्थान पर 'अब्भत्थ' शब्द का प्रयोग भी मिलता है। दोनों समानार्थक हैं।

१३. सब प्राणियों को अपना जीवन प्रिय है (पियायए)

चूर्णि और वृत्तियों में इसकी व्याख्या प्रियात्मक या प्रियदय के रूप में की गई है। सरपेन्टियर ने इस शब्द की मीमांसा करते हुए लिखा है कि पाली साहित्य में 'पियायति' धातु का प्रयोग मिलता है, जिसका अर्थ है चाहना, उपासना करना, सत्कार करना आदि और संभव है यही क्रिया जैन-महाराष्ट्री में भी आई हो। अत: इस धातु के 'पियायइ', 'पियाएइ' रूप भी सहज गम्य हो जाता है। इस रूप को मानने पर ही प्रथम दो चरणों का अर्थ सहज सुगम हो जाता है।

यदि हम टीकाकारों का अनुसरण करते हैं तो हमें 'दिस्स' शब्द को दोनों ओर जोड़ना पड़ता है और यदि हम 'पियायए' को धातु मान लेते हैं तो ऐसा नहीं करना पड़ता और अर्थ में भी विपर्यास नहीं होता। इसके अनुसार 'पाणे पियायए' का अर्थ होगा—प्राणियों के साथ मैत्री करे।

किन्तु आचारांग के—सव्वे पाणा पियाउया, सुहसाया, दुक्खपडिकूला, अप्पियवहा, पियजीविणो, जीविउकामा, सव्वेसिं जीवियं पियं (२।६३, ६४) के संदर्भ में इस श्‍लोक को पढ़ते हैं तो 'पियायए' का अर्थ प्रियायुष् (प्रियायुष:) संभव लगता है और अर्थसंगति की दृष्टि से भी यह उचित है। 'पियायए'—यहां पियाउए पाठ की परावृत्ति हुई है—ऐसा लगता है।

आचारांग वृत्ति में 'सव्वे पाणा पियाउया' का पाठान्तर है—'सव्वे पाणा पियायया'। शीलांकसूरि ने 'पियायया' का अर्थ—जिन्हें अपनी आत्मा प्रिय हो वे प्राणी—किया है। पियायया प्रथमा का बहुवचन है और पियायए द्वितीया का बहुवचन। इस प्रकार घूम-फिर कर हम फिर 'पियायया' के प्रियात्मक अर्थ पर ही आ पहुंचते हैं।

१४. (श्‍लोक ६)

प्रस्तुत श्‍लोक में हिंसा से उपरत रहने का निर्देश दिया गया है। उसके मुख्य हेतु हैं—

१. जैसे मुझे सुख प्रिय है, वैसे ही सभी प्राणियों को सुख प्रिय है।

२. जैसे मुझे अपना जीवन प्रिय है, वैसे ही सभी प्राणियों को अपना-अपना जीवन प्रिय है।

दशवैकालिक ६/१० में कहा है—'सव्वे जीवा वि इच्छंति जीविउं न मरिज्जिउं'—सब प्राणी जीना चाहते हैं, मरना कोई नहीं चाहता। इसलिए किसी को किसी प्राणी को मारने का अधिकार नहीं है।

हिंसा करने के अनेक कारण हैं। उनमें ये दो कारण और हैं—

१. व्यक्ति भय के कारण हिंसा करता है।

२. व्यक्ति वैर के वशीभूत होकर प्रतिशोध की भावना से हिंसा में प्रवृत होता है।

अहिंसा की आराधना के लिए हिंसा के सभी कारणों से निवृत्त होना होता है।

१५. परिग्रह नरक है (आयाणं नरयं)

आदान का अर्थ है—परिग्रह। वह नरक का हेतु है, इसलिए कारण में कार्य का उपचार कर परिग्रह को नरक कह दिया गया है। इसका दूसरा अर्थ यह किया जा सकता है—अदत्त का आदान नरक है। आयारों में हिंसा को नरक कहा है।

१६. अहिंसक या करुणाशील मुनि (दोगुंछी)

चूर्णिकार के अनुसार जुगुप्सा का अर्थ 'संयम' है। जो असंयम से जुगुप्सा करता है वह जुगुप्सी है।

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ—आहार किए बिना धर्म करने में असमर्थ शरीर से जुगुप्सा करने वाला—किया है।

पहले अर्थ की ध्वनि है—असंयम के प्रति जुगुप्सा करने वाला और दूसरे की ध्वनि है—शरीर की असमर्थता के प्रति जुगुप्सा करने वाला। तात्पर्यार्थ में 'दोगुंछी' का अर्थ है—अहिंसक, करुणाशील। जो संयमी होता है उसमें ये दोनों गुण होते हैं।

१७. अपने पात्र में गृहस्थ द्वारा प्रदत्त (अप्पणो पाए दिन्नं)

चूर्णिकार ने कहा है—संयम-जीवन के निर्वाह के लिए पात्र आवश्यक है। वह परिग्रह नहीं है। मुनि अपने पात्र में भोजन करे, गृहस्थ के पात्र में भोजन न करे। इसके समर्थन में शान्त्याचार्य ने ''पच्छाकम्मं पुरेकम्मं''

(दशवैकालिक ६।५२) श्‍लोक उद्धृत किया है। उन्होंने इस उद्धरण के पूर्व 'शय्यम्भवाचार्य' का उल्लेख किया है।

'पाए दिन्नं'—मिलाइए—बौद्धों का छट्ठा धुतांग 'पात्र-पिंडिकांग'। (विशुद्धि मार्ग १।२, पृ० ६०)

१८. तत्त्व को (आयरियं)

चूर्णिकार ने इसका संस्कृत रूप 'आचरितं' और शान्त्याचार्य ने 'आर्यम्' किया है। नेमिचन्द्र ने 'आयारियं' पाठ मानकर इसका संस्कृत रूप 'आचारिकम्' किया है। आचारित का अर्थ है आचार, आर्य का अर्थ है तत्त्व और आचारिक का अर्थ है अपने-अपने आचार में होने वाला अनुष्ठान।

डॉ० हरमन जेकोबी ने पूर्व व्याख्याओं को अमान्य किया है। वे इसका अर्थ 'आचार्य' करते हैं।

'आयरिय' के संस्कृत रूप आचरित और आचार्य दोनों हो सकते हैं, इसलिए आचरित को अमान्य करने का कोई कारण प्राप्त नहीं है। किन्तु इस श्‍लोक में ऐकान्तिक ज्ञानवाद का निरसन है। सांख्य आदि तत्त्वज्ञता, भेदज्ञान या विवेकज्ञान से मोक्ष मानते हैं। उनकी सुप्रसिद्ध उक्ति है—

पंचविंशतितत्त्वज्ञो, यत्र तताश्रमे रत:।

शिखी मुण्डी जटी वापि, मुच्यते नात्र संशय:।।

'आर्य' का अर्थ तत्त्व भी है इसलिए प्रकरण की दृष्टि से शान्त्याचार्य की व्याख्या अनुपयुक्त नहीं है। वे 'आयरित' के संस्कृत रूप 'आर्य' होने में स्वयं संदिग्ध थे, इसलिए उन्होंने इस प्रयोग को सौत्रिक बतलाया।

'आयारिय' का संस्कृत रूप आकारित भी होता है। आकारित अर्थात् आह्वान-वचन। कुछ लोग केवल आह्वान-वचनों—मंत्रों के जप से सर्वदु:ख (मुक्ति) मानते हैं, प्रत्याख्यान या संयम करना आवश्यक नहीं मानते। 'आयारिय' पाठ के आधार पर यह व्याख्या भी हो सकती है।

१९. विविध (चित्ता)

'चित्रा' भाषा का विशेषण है। वह धातु, उपसर्ग, संधि, तद्धित, काल, प्रत्यय, प्रकृति, लोप, आगम आदि भेदों से विभिन्न शब्दों वाली, अथवा प्राकृत, संस्कृत आदि विभिन्न रूपों वाली होती है इसलिए उसे विचित्र कहा गया है।

२०. विद्या का अनुशासन (विज्जाणुसासणं)

इसका अर्थ है—मंत्र आदि का शिक्षण। डॉ० हरमन जेकोबी ने इसका अर्थ—दार्शनिक शिक्षण—किया है।

२१. (श्‍लोक ११)

'मन, वचन और काया से शरीर में आसक्त होते हैं' इसे स्पष्ट करते हुए नेमिचन्द्र ने कहा है—'हम सुन्दर और मोटे शरीर वाले कैसे बनें'—मन से सतत यह चिन्तन करना, काया से सदा रसायन आदि का उपयोग कर शरीर को बलिष्ठ बनाने का प्रयत्‍न करना और वाणी से रसायन आदि से सम्बन्धित प्रश्‍न करते रहना आसक्ति है। देहासक्ति पदार्थासक्ति का मूल कारण है। जो देहासक्ति से बचता है वह पदार्थों के प्रति अनासक्त रह सकता है।

२२. जन्म-मरण के लंबे मार्ग को (दीहमद्धाणं)

चूर्णिकार ने यहां एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

'प्रपन्ना दीर्घमध्वानमनादिकमनन्तकम्।

स तु कर्मभिरापन्न: हिंसादेरुपचीयते।।'

२३. सब दिशाओं (सव्वदिसं)

दिशा शब्द के दो अर्थ किए जा सकते हैं—१. दृष्टिकोण, २. उत्पत्ति-स्थान। चूर्णि और वृत्ति में दिशा शब्द से समस्त भाव-दिशाओं का ग्रहण किया गया है। भाव-दिशा अठारह प्रकार की है। जैसे—पृथ्वीकाय, अप्काय, तेजस्काय, वायुकाय, मूलबीज, स्कंधबीज, अग्रबीज, पर्वबीज, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय, तिर्यंच पंचेन्द्रिय, नारक, देव, सम्मूर्च्छनज, कर्मभूमिज, अकर्मभूमिज, अन्तर-द्वीपज।

ज्ञानवाद और क्रियावाद की दृष्टि से विमर्श करें तो 'दिशा' का अर्थ दृष्टिकोण होना चाहिए। कोरा ज्ञानवादी अप्रमत्त नहीं हो सकता। अप्रमत्त होने के लिए ज्ञान और क्रिया—दोनों का समन्वय आवश्यक है।

प्रस्तुत प्रसंग में 'दिशा' का अर्थ दृष्टिकोण ही समीचीन लगता है।

२४. बाह्य—शरीर से भिन्न ऊर्ध्व-आत्मा है, इसे स्वीकार कर (बहिया उड्ढमादाय)

बहिया—बाह्य। यह इन्द्रिय-जगत् का वाचक है। उड्ढं—ऊर्ध्व। यह आत्म-जगत् का वाचक है। जो व्यक्ति इन्द्रिय-जगत् में जीता है, वह विषयों की आकांक्षा न करे, यह कभी संभव नहीं है। क्योंकि इस जगत् में विषयों के आधार पर ही जीवन की ऊंचाई और नीचाई मापी जाती है। पर जो व्यक्ति इन्द्रिय-जगत् से परे हटकर ऊर्ध्व—मोक्ष को अपना लक्ष्य बनाकर चलता है, वह विषयों से विरक्त होता है, उनसे आकर्षित नहीं होता। वह विषयों को भोगता है, पर उनसे बंधता नहीं।

संसार का सारा व्यवहार पदार्थाश्रित है। जीवन पदार्थों पर आधृत है। ऐसी स्थिति में उनको सर्वथा नकारना किसी के वश की बात नहीं है। परन्तु जो ऊर्ध्वलक्षी होता है वह पदार्थों को काम में लेता हुआ भी उनसे अभिष्वंग नहीं करता और जो इन्द्रिय-चेतना के स्तर पर जीता है वह उनसे बंध जाता है।

सूत्रकृतांग सूत्र का यह वाक्य 'माणसे खलु दुल्लहे' इसी बात का साक्ष्य है कि लक्ष्य की ऊर्ध्वता के कारण ही मनुष्य जन्म की दुर्लभता है, इसलिए इसकी रक्षा वांछनीय है।

लोकायत मानते हैं कि 'ऊर्ध्व देहात् पुरुषो न विद्यते, देह एव आत्मा'—देह से ऊर्ध्व—परे कोई आत्मा नहीं है, देह ही आत्मा है। इसका निरसन करते हुए सूत्रकार ने कहा है—'बहिया उड्ढं'—शरीर से परे भी आत्मा है। यह चूर्णि की व्याख्या है।८ वृत्ति के अनुसार 'बहिया उड्ढं' का अर्थ मोक्ष है। जो संसार से बहिर्भूत है और सबसे ऊर्ध्ववर्ती है, उसे 'बहि: ऊर्ध्व' कहा जाता है।

२५. किसी प्रकार की आकांक्षा न करे (नावकंखे कयाइ वि)

व्यक्ति ऊर्ध्वलक्षी होकर, मोक्ष को अपना लक्ष बनाकर किसी भी स्थिति में, कहीं भी विषयों के प्रति आसक्त न हो। उपसर्ग और परीषहों से प्रताड़ित होने पर भी वह विषयाभिमुख न हो।

यहां एक प्रश्‍न उभरता है कि यदि यह यथार्थ है तो फिर शरीर को धारण करना भी अयुक्त ही होगा, क्योंकि इसके प्रति भी आकांक्षा या आसक्ति होती है। शरीर भी आत्मा से बाह्य है।

इसका उत्तर अगले दो चरणों में दिया गया है।

प्रस्तुत दो चरणों में शरीर के धारण और पोषण करने का सटीक उत्तर है। शरीर को धारण करने का और उसको उचित आहार से पुष्ट रखने का एकमात्र उद्देश्य है कि पूर्वसंचित कर्मों का क्षय किया जा सके और संयम की पालना से नए कर्मों को रोका जा सके। शरीर-धारण का यह आध्यात्मिक अथवा पारमार्थिक हेतु है।

२७. कर्म के हेतुओं (कम्मणो हेउं)

चूर्णिकार ने अविद्या और राग-द्वेष को कर्मबंध का हेतु माना है। वृत्ति के अनुसार कर्मबंध के उपादान हेतु हैं—मिथ्यात्व और अविरति।

२८. मृत्यु की प्रतीक्षा (कालकंखी)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—पण्डित-मरण के काल की आकांक्षा करने वाला अर्थात् आजीवन संयम की इच्छा करने वाला किया है।

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ क्रियोचित काल की आकांक्षा करने वाले किया है। 'कालकंखी परिव्वए'—ये दो शब्द आचारांग १।३।३८ में ज्यों-के-त्यों आए हैं।

२९. आहार और पानी की (पिंडस्स पाणस्स)

इस श्‍लोक में केवल दो शब्द—पिण्ड और पान आये हैं। अन्यत्र अनेक स्थानों पर—असणं, पाणं, खाइमं, साइमं—ऐसे चार शब्द आते हैं। चूर्णिकार ने पिण्ड शब्द को अशन, खाद्य और स्वाद्य—इन तीनों का सूचक माना है। मुनि खाद्य और स्वाद्य का प्राय: उपभोग नहीं करते, ऐसा वृत्तिकारों का अभिमत है। अभयदेव सूरि ने भी स्थानांग वृत्ति में ऐसा मत प्रकट किया है। चौदह प्रकार के दान जो बतलाये हैं उनमें खाद्य, स्वाद्य भी सम्मिलित हैं। इन दोनों प्रकारों के उल्लेखों से यही जान पड़ता है कि इनका ऐकान्तिक निषेध नहीं है।

३०. (सन्निहिं च न कुव्वेज्जा, लेवमायाए संजए)

सन्निधि का अर्थ है—अशन आदि को स्थापित करके रखना, दूसरे दिन के लिए संग्रह करना।

निशीथ चूर्णि में थोड़े समय के बाद विकृत हो जाने वाले दूध, दही आदि के संग्रह को सन्निधि और चिरकाल तक न बिगड़ने वाले घी, तेल आदि के संग्रह को संचय कहा है।

लेप मात्र का अर्थ है—जितनी वस्तु से पात्र पर लेप लगे उतनी मात्रा। मात्रा शब्द के अनेक अर्थ होते हैं—

ईषदर्थें क्रियायोगे, मर्यादायां परिच्छदे।

परिमाणे घने चेति, मात्रा शब्द: प्रकीर्तित:।।

यहां मात्रा शब्द परिमाण के अर्थ में है। शान्त्याचार्य ने इसे मर्यादा के अर्थ में भी माना है। उनके अनुसार इसका अर्थ होगा—मुनि अपने काष्ठ पात्र पर गाढ़े तेल या रोगन आदि का लेप लगाए। उसके अतिरिक्त किसी प्रकार की सन्निधि न रखे।

३१. (पक्खी पत्तं समादाय निरवेक्खो परिव्वए)

यहां 'पत्त' शब्द में श्‍लेष है। इसके दो अर्थ होते हैं—पत्र (पंख) और भिक्षा-पात्र। चूर्णिकार ने इसका अर्थ किया है—जैसे पक्षी अपने पंखों को साथ लिए उड़ता है, इसलिए उसे पीछे की कोई अपेक्षा—चिन्ता नहीं होती, वैसे ही भिक्षु अपने पात्र आदि उपकरणों को जहां जाए वहां साथ ले जाए, संग्रह करके कहीं रखे नहीं अर्थात् पीछे की चिन्ता से मुक्त होकर—निरपेक्ष होकर विहार करे।

वृत्तिकारों ने इसका तात्पर्यार्थ किया है कि संयमोपकारी पात्र आदि उपकरणों की सन्निधि करने में दोष नहीं है।

शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक अर्थ में 'पत्त' को पात्र मानकर व्याख्या की है। हमारा अनुवाद इसी पर आधारित है।

३२. लज्जावान् मुनि (लज्जू)

चूर्णि में इसका अर्थ लज्जावान् है। वृत्तिकार ने इसे आर्ष प्रयोग मानकर इसका अर्थ यति—मुनि किया है। लज्जा का अर्थ है—संयम। संयम के प्रति अनन्य उपयोगवान् होने के कारण यति 'लज्जू' कहलाता है। सुखबोधा में इसका अर्थ 'संयमी' है।

३३. अप्रमत्त रहकर गृहस्थों से (अप्पमत्तो पमत्तेहिं)

यहां अप्रमत्त और प्रमत्त—दोनों शब्द सापेक्ष हैं। अप्रमत्त का प्रयोग अप्रमत्त-संयती (सप्तम गुणस्थानवर्ती) के अर्थ में नहीं है, किन्तु प्रमादरहित जागरूक संयती के अर्थ में है। प्रमत्त शब्द का प्रयोग गृहस्थ के अर्थ में किया गया है।

३४. (श्‍लोक १६)

प्रस्तुत श्‍लोक में मुनि की निरपेक्षता निर्दिष्ट है। उसके हेतु ये हैं—

१. एषणा समिति में उपयुक्त होना।

२. गांव, नगर आदि में अनियत चर्या करना।

३. अप्रमत्त रहना।

३५. अनुत्तर ज्ञानदर्शनधारी (अणुत्तरनाणदंसणधरे)

प्रस्तुत श्‍लोक में इस पद से पूर्व 'अणुत्तरणाणी अणुत्तरदंसी'—ये दो विशेषण आ चुके हैं। इसलिए यह प्रश्‍न अस्वाभाविक नहीं है कि पुन: इन्हीं दो विशेषणों की क्या उपयोगिता है? क्या यह पुनरुक्त दोष नहीं है?

समाधान में वृत्तिकार ने कहा है कि अनुत्तर ज्ञान और दर्शन लब्धिरूप में एक साथ रहते हैं, किन्तु इनका उपयोग युगपत्—एक साथ नहीं होता। ज्ञान और दर्शन की भिन्नकालता अनुत्तरज्ञानी और अनुत्तरदर्शी—इन दो पदों के पृथक कथन से स्पष्ट है। यह उपयोग की दृष्टि से प्रतिपादित है। लब्धिरूप में इन दोनों की युगपत् अवस्थिति में भिन्नकालता स्वीकृत नहीं है। इसी व्यामोह को दूर करने के लिए यह विशेषण 'अणुत्तरनाणदंसणधरे' पुनरुक्त नहीं है, एक विशेष अवस्था का द्योतक है।

३६. ज्ञातपुत्र (नायपुत्ते)

चूर्णि में नायपुत्त का अर्थ—ज्ञातकुल में प्रसूत सिद्धार्थ क्षत्रिय के पुत्र है। वृत्तियों में ज्ञात का अर्थ उदार क्षत्रिय, प्रकरण वश सिद्धार्थ किया गया है। ज्ञातपुत्र अर्थात् सिद्धार्थ-पुत्र। आचारांग में भगवान् के पिता को काश्यपगोत्री कहा गया है। भगवान् इक्ष्वाकु वंश में उत्पन्न हुए, यह भी माना जाता है। भगवान् ऋषभ इक्ष्वाकुवंशी और काश्यपगोत्री थे। इसीलिए वे आदि-काश्यप कहलाते हैं। भगवान् महावीर भी इक्ष्वाकुवंशी और काश्यपगोत्री थे। 'ज्ञात' काश्यपगोत्रियों का कोई अवान्तर भेद था या सिद्धार्थ का ही कोई दूसरा नाम था अथवा 'नाय' का मूल अर्थ समझने में भ्रम हुआ है। हो सकता है उसका अर्थ नाग हो और ज्ञात समझ लिया गया हो।

वज्जी देश के शासक लिच्छवियों के नौ गण थे। ज्ञात या नाग उन्हीं का एक भेद था। देखें—दशवैकालिक ६।२० का टिप्पण।

३७. वैशालिक (वेसालिए)

चूर्णिकार ने वैशालिक के कई अर्थ किए हैं—जिसके गुण विशाल हों, जो विशाल इक्ष्वाकुवंश में जन्मा हो, जिसकी माता वैशाली हो, जिसका कुल विशाल हो, उसे वैशालिक कहा जाता है। इसके संस्कृत रूप वैशालीय:, वैशालिय:, विशालिक:, विशालीय: और वैशालिक: हैं।

जैनागमों में स्थान-स्थान पर भगवान् महावीर को 'वेसालिय' कहकर सम्बोधित किया गया है। इसका कारण यह है कि भगवान् का जन्म स्थान कुण्डग्राम था। वह वैशाली के पास था। जन्म-स्थान के विषय में श्‍वेताम्बर और दिगम्बर एक मत नहीं हैं परन्तु वेसालिय शब्द पर ध्यान जाते ही वैशाली की याद आ जाती है।

भगवान् की माता त्रिशला वैशाली गणराज्य के अधिपति चेटक की बहिन थी। इसके अनुसार चूर्णिकार का यह अर्थ—वैशाली जिसकी माता हो—बहुत संगत लगता है।

♦

सातवां अध्ययन : उरभ्रीय

07

सातवां अध्ययन : उरभ्रीय

आमुख

इस अध्ययन का नामकरण इसके प्रारम्भ में प्रतिपादित 'उरभ्र' के दृष्टान्त के आधार पर हुआ है।

समवायांग (समवाय ३६) तथा उत्तराध्ययन निर्युक्ति में इसका नाम 'उरब्भिज्जं' है। किन्तु अनुयोगद्वार (सूत्र ३२२) में इसका नाम 'एलइज्ज' है। मूल पाठ (श्‍लोक १) में 'एलयं' शब्द का ही प्रयोग हुआ है। 'उरभ्र' का नहीं। उरभ्र और एलक—ये दोनों पर्यायवाची शब्द हैं, इसलिए ये दोनों नाम प्रचलित रहे हैं।

श्रामण्य का आधार अनासक्ति है। जो विषय-वासना में आसक्त होता है, वह कभी दु:खों से मुक्त नहीं हो सकता। विषयानुगृद्धि में रसासक्ति का भी प्रमुख स्थान है। जो रसनेन्द्रिय पर विजय पा लेता है, वह अन्यान्य विषयों को भी सहजतया वश में कर लेता है। इस कथन को सूत्रकार ने दृष्टान्त से समझाया है। प्रथम चार श्‍लोकों में दृष्टान्त के संकेत दिए गए हैं। टीकाकार ने 'सम्प्रदायादवसेयम्' ऐसा उल्लेख कर उसका विस्तार किया है :

एक सेठ था। उसके पास एक गाय, गाय का बछड़ा और एक मेंढा था। वह मेंढे को खूब खिलाता-पिलाता। उसे प्रतिदिन स्‍नान कराता, शरीर पर हल्दी आदि का लेप करता। सेठ के पुत्र उससे नाना प्रकार की क्रीड़ा करते। कुछ ही दिनों में वह स्थूल हो गया। बछड़ा प्रतिदिन यह देखता और मन ही मन सोचता कि मेंढे का इतना लालन-पालन क्यों हो रहा है? सेठ का हम पर इतना प्यार क्यों नहीं है? मेंढ़े को खाने के लिए जौ देता है और हमें सूखी घास। यह अन्तर क्यों? इन विचारों से उसका मन उदास हो गया। उसने स्तन-पान करना छोड़ दिया। उसकी मां ने इसका कारण पूछा। उसने कहा—'मां! यह मेंढा पुत्र की तरह लालित-पालित होता है। इसे बढ़िया भोजन दिया जाता है। विशेष अलंकारों से इसे अलंकृत किया जाता है। और एक मैं हूं मन्द-भाग्य कि कोई भी मेरी परवाह नहीं करता। सूखी घास चरता हूं और वह भी भरपेट नहीं मिलती। समय पर पानी भी नहीं मिलता। कोई मेरा लालन-पालन नहीं करता। ऐसा क्यों है मां?'

मां ने कहा—

आउरचिन्नाइं एयाइं, जाइं चरइ नंदिओ।

सुक्कत्तणेहिं लाढाहि, एयं दीहाउलक्खणं।।

(उत्त.नि.गा. २४९)

''वत्स! तू नहीं जानता। मेंढा जो कुछ खा रहा है, वह आतुर-लक्षण है। आतुर (मरणासन्न) प्राणी को पथ्य और अपथ्य जो कुछ वह चाहता है, दिया जाता है। सूखी घास खाकर जीना दीर्घायु का लक्षण है। इस मेंढ़े का मरण-काल सन्निकट है।''

कुछ दिन बीते। सेठ के घर मेहमान आए। बछड़े के देखते-देखते मोटे-ताजे मेंढ़े के गले पर छुरी चली और उसका मांस पकाकर मेहमानों को परोसा गया। बछड़े का दिल भय से भर गया। उसने खाना-पीना छोड़ दिया। मां ने कारण पूछा। बछड़े ने कहा—'मां! जिस प्रकार मेंढा मारा गया क्या मैं भी मारा जाऊंगा?' मां ने कहा—''वत्स! यह भय वृथा है। जो रस-गृद्ध होता है, उसे उसका फल भी भोगना पड़ता है। तू सूखी घास चरता है, अत: तुझे ऐसा कटु विपाक नहीं सहना पड़ेगा।''

इसी प्रकार हिंसक, अज्ञ, मृषावादी, मार्ग में लूटने वाला, चोर, मायावी, चुराने की कल्पना में व्यस्त, शठ, स्त्री और विषयों में गृद्ध, महाआरम्भ और महापरिग्रह वाला, सुरा और मांस का उपभोग करने वाला, दूसरों का दमन करने वाला, कर-कर शब्द करते हुए बकरे के मांस को खाने वाला, तोंद वाला और उपचित रक्त वाला व्यक्ति उसी प्रकार नरक के आयुष्य की आकांक्षा करता है जिस प्रकार मेमना पाहुने की। (श्‍लोक ५-७)

भगवान् महावीर ने कहा—''अल्प के लिए बहुत को मत खोओ। जो ऐसा करता है, वह पीछे पश्‍चात्ताप करता है।'' इसी भावना को सूत्रकार ने दो दृष्टान्तों से समझाया है :

(१) एक दमक था। उसने भीख मांग-मांग कर एक हजार कार्षापण एकत्रित किए। एक बार वह उन्हें साथ ले एक सार्थवाह के साथ अपने घर की ओर चला। रास्ते में भोजन के लिए उसने एक कार्षापण को काकिणियों में बदलाया और प्रतिदिन कुछ काकिणियों को खर्च कर भोजन लेता रहा। कई दिन बीते। उसके पास एक काकिणी शेष बची। उसे वह एक स्थान पर भूल आया। कुछ दूर जाने पर उसे वह काकिणी याद आ गई। अपने पास के कार्षापणों की नौली को एक स्थान पर गाड़ उसे लाने दौड़ा। परन्तु वह काकिणी किसी दूसरे के हाथों पड़ गई। उसे बिना प्राप्त किए लौटा तब तक एक व्यक्ति उस नौली को लेकर भाग गया। वह लुट गया। ज्यों-त्यों वह घर पहुंचा और पश्‍चात्ताप में डूब गया।

(२) एक राजा था। वह आम बहुत खाता था। उसे आम का अजीर्ण हुआ। वैद्य आए। चिकित्सा की। वह स्वस्थ हो गया। वैद्यों ने कहा—''राजन्! यदि तुम पुन: आम खाओगे तो जीवित नहीं बचोगे।'' उसने अपने राज्य के सारे आम्र के वृक्ष उखड़वा दिए। एक बार वह अपने मंत्री के साथ अश्‍व-क्रीड़ा के लिए निकला। अश्‍व बहुत दूर निकल गया। वह थक कर एक स्थान पर रुका। वहां आम के बहुत वृक्ष थे। मंत्री के निषेध करने पर भी राजा एक आम्र वृक्ष के नीचे विश्राम करने के लिए बैठा। वहां अनेक फल गिरे पड़े थे। राजा ने उन्हें छुआ और सूंघा तथा खाने की इच्छा व्यक्त की। मंत्री ने निषेध किया पर राजा नहीं माना। उसने भरपेट आम खाए। उसकी तत्काल मृत्यु हो गई।

इसी प्रकार जो मनुष्य मानवीय काम-भोगों में आसक्त हो, थोड़े से सुख के लिए मनुष्य-जन्म गंवा देता है वह शाश्‍वत सुखों को हार जाता है। देवताओं के काम-भोगों के समक्ष मनुष्य के काम-भोग तुच्छ और अल्पकालीन हैं। दोनों के काम-भोगों में आकाश-पाताल का अन्तर है। मनुष्य के काम-भोग कुश के अग्रभाग पर टिके जल-बिन्दु के समान है और देवताओं के काम-भोग समुद्र के अपरिमेय जल के समान है। (श्‍लोक २३)। अत: मानवीय काम-भोगों में आसक्त नहीं होना चाहिए।

जो मनुष्य है और अगले जन्म में भी मनुष्य हो जाता है, वह मूल पूंजी की सुरक्षा है। जो मनुष्य-जन्म में अध्यात्म का आचरण कर आत्मा को पवित्र बनाता जाता है, वह मूल को बढ़ाता है। जो विषय-वासना में फंसकर मनुष्य जीवन को हार देता है—तिर्यंच या नरक में चला जाता है—वह मूल को भी गंवा देता है (श्‍लोक १५)। इस आशय को सूत्रकार ने निम्‍न- व्यावहारिक दृष्टान्त से समझाया है:—

एक बनिया था। उसके तीन पुत्र थे। उसने तीनों को एक-एक हजार कार्षापण देते हुए कहा—''इनसे तुम तीनों व्यापार करो और अमुक समय के बाद अपनी-अपनी पूंजी ले मेरे पास आओ।'' पिता का आदेश पा तीनों पुत्र व्यापार के लिए निकले। वे एक नगर में पहुंचे और तीनों अलग-अलग स्थानों पर ठहरे। एक पुत्र ने व्यापार आरम्भ किया। वह सादगी से रहता और भोजन आदि पर कम खर्च कर धन एकत्रित करता। इससे उसके पास बहुत धन एकत्रित हो गया। दूसरे पुत्र ने भी व्यापार आरम्भ किया। जो लाभ होता उसको वह भोजन, वस्त्र, मकान आदि में खर्च कर देता। इससे वह धन एकत्रित न कर सका। तीसरे पुत्र ने व्यापार नहीं किया। उसने अपने शरीर-पोषण और व्यसनों में सारा धन गंवा डाला।

तीनों पुत्र यथासमय घर पहुंचे। पिता ने सारा वृत्तान्त पूछा। जिसने अपनी मूल पूंजी गंवा डाली थी, उसे नौकर के स्थान पर नियुक्त किया, जिसने मूल की सुरक्षा की थी, उसे गृह का काम-काज सौंपा और जिसने मूल को बढ़ाया था, उसे गृहस्वामी बना डाला।

मनुष्य-भव मूल पूंजी है। देवगति उसका लाभ है और नरकगति उसका छेदन है।

इस अध्ययन में पांच दृष्टान्तों का निरूपण हुआ है। उनका प्रतिपाद्य भिन्न-भिन्न है। पहला उरभ्र दृष्टान्त विषय-भोगों के कटु-विपाक का दर्शन है (श्‍लो. १-१०)। दूसरे और तीसरे काकिणी और आम्रफल दृष्टान्तों का विषय देव-भोगों के सामने मानवीय-भोगों की तुच्छता का दर्शन है। (श्‍लो. ११-१३)। चौथे व्यवहार दृष्टान्त का विषय आय-व्यय के विषय में कुशलता का दर्शन है। (श्‍लो. १४-२२)। पांचवें (सागर) दृष्टान्त का विषय आय-व्यय की तुलना का दर्शन है (श्‍लो. २३,२४)।

इस प्रकार इस अध्ययन में दृष्टान्त शैली से गहन तत्त्व की बड़ी सरस अभिव्यक्ति हुई है।

सत्तमं अज्झयणं : उरब्भिज्जं

सातवां अध्ययन : उरभ्रीय

मूल

१. जहाएसं समुद्दिस्स, कोइ पोसेज्ज एलयं।

ओयणं जवसं देज्जा, पोसेज्जा वि सयंगणे।।

हिन्‍दी अनुवाद

जैसे पाहुने के१ उद्देश्य से कोई मेमने का पोषण करता है। उसे चावल, मूंग, उड़द आदि२ खिलाता है और अपने आंगन में३ ही पालता है।४

२. तओ से पुट्ठे परिवूढे, जायमेए महोदरे।

पीणिए विउले देहे, आएसं परिकंखए।।

इस प्रकार वह पुष्ट, बलवान्, मोटा, बड़े पेट वाला, तृप्त और विशाल देहवाला होकर पाहुने की आकांक्षा करता है।५

३. जाव न एइ आएसे, ताव जीवइ से दुही।

अह पत्तंमि आएसे, सीसं छेत्तूण भुज्जई।।

जब तक पाहुना नहीं आता है तब तक ही वह बेचारा६ जीता है। पाहुने के आने पर उसका सिर छेदकर उसे खा जाते हैं।

४. जहा खलु से उरब्भे, आएसाए समीहिए।

एवं बाले अहम्मिट्ठे, ईहई नरयाउयं।।

जैसे पाहुने के लिए निश्‍चित किया हुआ वह मेमना यथार्थ में उसकी आकांक्षा करता है, वैसे ही अधर्मिष्ठ अज्ञानी जीव यथार्थ में नरक के आयुष्य की इच्छा करता है।

५. हिंसे बाले मुसावाई, अद्धाणंमि विलोवए।

अन्नदत्तहरे तेणे, माई कण्हुहरे सढे।।

हिंसक, अज्ञ, मृषावादी, मार्ग में लूटने वाला, दूसरों की दी हुई वस्तु का बीच में हरण करने वाला७, चोर, मायावी, चुराने की कल्पना में व्यस्त, (किसका धन हरण करूंगा—ऐसे अध्यवसाय वाला) शठ—वक्र आचरण वाला,

६. इत्थीविसयगिद्धे य, महारंभपरिग्गहे।

भुंजमाणे सुरं मंसं, परिवूढे परंदमे।।

स्त्री और विषयों में गृद्ध, महाआरंभ८ और महापरिग्रह वाला, सुरा और मांस का उपभोग करने वाला, बलवान्९, दूसरों का दमन करने वाला,१०

७. अयकक्करभोई य, तुंदिल्ले चियलोहिए।

आउयं नरए कंखे, जहाएसं व एलए।।

कर-कर शब्द करते हुए११ बकरे के मांस को खाने वाला, तोंद वाला और उपचित लोही वाला व्यक्ति उसी प्रकार नरक के आयुष्य की आकांक्षा करता है१२, जिस प्रकार मेमना पाहुने की।

८. आसणं सयणं जाणं, वित्तं कामे य भुंजिया।

दुस्साहडं धणं हिच्चा, बहुं संचिणिया रयं।।

आसन, शय्या, यान, धन और काम-विषयों को भोगकर, दु:ख से एकत्रित किये हुए१३ धन को द्यूत आदि के द्वारा गंवाकर१४, बहुत कर्मों को संचित कर—

९. तओ कम्मगुरू जंतू, पच्चुप्पन्नपरायणे।

अय व्व आगयाएसे, मरणंतंमि सोयई।।

कर्मों से भारी बना हुआ, केवल वर्तमान को ही देखने वाला जीव१५ मरणान्तकाल में उसी प्रकार शोक करता है१६ जिस प्रकार पाहुने के आने पर मेमना।१७

१०. तओ आउपरिक्खीणे, चुया देहा विहिंसगा।

आसुरियं दिसं बाला, गच्छंति अवसा तमं।।

फिर आयु क्षीण होने पर वे नाना प्रकार की हिंसा करने वाले कर्मवशवर्ती अज्ञानी जीव देह से च्युत होकर अन्धकारपूर्ण आसुरीय दिशा (नरक) की ओर१८ जाते हैं।

११. जहा कागिणिए हेउं, सहस्सं हारए नरो।

अपत्थं अंबगं भोच्चा, राया रज्जं तु हारए।।

जैसे कोई मनुष्य काकिणी के१९ लिए हजार (कार्षापण)२० गंवा देता है, जैसे कोई राजा अपथ्य आम को खाकर राज्य से हाथ धो बैठता है, वैसे ही जो व्यक्ति मानवीय भोगों में आसक्त होता है, वह दैवी भोगों को हार जाता है।२१

१२. एवं माणुस्सगा कामा, देवकामाण अंतिए।

सहस्सगुणिया भुज्जो, आउं कामा य दिव्विया।।

दैवी भोगों की तुलना में मनुष्य के कामभोग उतने ही नगण्य हैं जितने कि हजार कार्षापणों की तुलना में एक काकिणी और राज्य की तुलना में एक आम। दिव्य आयु और दिव्य काम-भोग मनुष्य की आयु और काम-भोगों से हजार गुना अधिक हैं।

१३. अणेगवासानउया, जा सा पण्णवओ ठिई।

जाणि जीयंति दुम्मेहा, ऊणे वाससयाउए।।

प्रज्ञावान् पुरूष की२२ देवलोक में अनेक वर्ष नयुत (असंख्यकाल) की२३ स्थिति होती है—यह ज्ञात होने पर भी मूर्ख मनुष्य सौ वर्ष जितने अल्प जीवन के लिए२४ उन दीर्घकालीन सुखों को हार जाता है।

१४. जहा य तिन्नि वणिया, मूलं घेत्तूण निग्गया।

एगोऽत्थ लहई लाहं, एगो मूलेण आगओ।।

जैसे तीन वणिक् मूल पूंजी को लेकर निकले। उनमें से एक लाभ उठाता है, एक मूल लेकर लौटता है,

१५. एगो मूलं पि हारित्ता, आगओ तत्थ वाणिओ।

ववहारे उवमा एसा, एवं धम्मे वियाणह।।

और एक मूल को भी गंवाकर वापस आता है। यह व्यापार की उपमा है। इसी प्रकार धर्म के विषय में जानना चाहिए।

१६. माणुसत्तं भवे मूलं, लाभो देवगई भवे।

मूलच्छेएण जीवाणं, नरगतिरिक्खत्तणं धुवं।।

मनुष्यत्व मूलधन है। देवगति लाभ रूप है। मूल के नाश से जीव निश्‍चित ही नरक और तिर्यञ्च गति में जाते हैं।२५

१७. दुहओ गई बालस्स, आवई वहमूलिया।

देवत्तं माणुसत्तं च, जं जिए लोलयासढे।।

अज्ञानी जीव की दो प्रकार की गति होती है—नरक और तिर्यञ्च। वहां उसे वधहेतुक२६ आपदा प्राप्त होती है। वह लोलुप और वंचक पुरुष२७ देवत्व और मनुष्यत्व को पहले ही हार जाता है।

१८. तओ जिए सइं होइ, दुविहं दोग्गइं गए।

दुल्लहा तस्स उम्मज्जा, अद्धाए सुइरादवि।।

द्विविध दुर्गति में गया हुआ जीव सदा हारा हुआ होता है। उसका उनसे बाहर निकलना दीर्घकाल के बाद भी दुर्लभ है।

१९. एवं जियं सपेहाए, तुलिया बालं च पंडियं।

मूलियं ते पवेसंति, माणुसं जोणिमेंति जे।।

इस प्रकार हारे हुए को देखकर तथा बाल और पण्डित की तुलना कर जो मानुषी योनि में आते हैं, वे मूलधन के साथ प्रवेश करते हैं।

२०. वेमायाहिं सिक्खाहिं, जे नरा गिहिसुव्वया।

उवेंति माणुसं जोणिं, कम्मसच्चा हु पाणिणो।।

जो मनुष्य विविध परिमाण वाली शिक्षाओं द्वारा घर में रहते हुए भी सुव्रती हैं, वे मानुषी योनि में उत्पन्न होते हैं। क्योंकि प्राणी कर्म-सत्य होते हैं—अपने किये हुए का फल अवश्य पाते हैं।२८

२१. जेसिं तु विउला सिक्खा, मूलियं ते अइच्छिया।

सीलवंता सवीसेसा, अद्दीणा जंति देवयं।।

जिनके पास विपुल शिक्षा२९ है वे शील-संपन्न और उत्तरोत्तर गुणों को प्राप्त करने वाले३० अदीन—पराक्रमी३१ पुरुष मूलधन (मनुष्यत्व) का अतिक्रमण करके देवत्व को३२ प्राप्त होते हैं।

२२. एवमद्दीणवं भिक्खुं, अगारिं च वियाणिया।

कहण्णु जिच्चमेलिक्खं, जिच्चमाणे न संविदे?।।

इस प्रकार पराक्रमी भिक्षु और गृहस्थ को (अर्थात् उनके पराक्रम-फल को) जानकर विवेकी पुरुष ऐसे लाभ को कैसे खोएगा? वह कषायों के द्वारा पराजित होता हुआ क्या यह नहीं जानता कि 'मैं पराजित हो रहा हूं?' यह जानते हुए उसे पराजित नहीं होना चाहिए।

२३. जहा कुसग्गे उदगं, समुद्देण समं मिणे।

एवं माणुस्सगा कामा, देवकामाण अंतिए।।

मनुष्य सम्बन्धी काम-भोग देव सम्बन्धी काम-भोगों की तुलना में वैसे ही हैं, जैसे कोई व्यक्ति कुश की नोक पर टिके हुए जल-बिन्दु की समुद्र से तुलना करता है।

२४. कुसग्गमेत्ता इमे कामा, सन्निरुद्धंमि आउए।

कस्स हेउं पुराकाउं, जोगक्खेमं न संविदे?।।

इस अति-संक्षिप्त आयु में३३ ये काम-भोग कुशाग्र पर स्थित जल-बिन्दु जितने हैं। फिर भी किस हेतु को सामने रखकर मनुष्य योगक्षेम३४ को नहीं समझता?३५

२५. इह कामाणियट्टस्स, अत्तट्ठे अवरज्झई।

सोच्चा नेयाउयं मग्गं, जं भुज्जो परिभस्सई।।

इस मनुष्य भव में काम-भोगों से निवृत्त न होने वाले पुरुष का३६ आत्म-प्रयोजन नष्ट हो जाता है। वह पार ले जाने वाले मार्ग को३७ सुनकर भी बार-बार भ्रष्ट होता है।

२६. इह कामणियट्टस्स, अत्तट्ठे नावरज्झई।

पूइदेहनिरोहेणं, भवे देवि त्ति मे सुयं।।

इस मनुष्य भव में काम-भोगों से निवृत्त होने वाले पुरुष का आत्म-प्रयोजन नष्ट नहीं होता। वह पूतिदेह (औदारिक शरीर) का३८ निरोध कर देव होता है—ऐसा मैंने सुना है।

२७. इड्ढी जुई जसो वण्णो, आउं सुहमणुत्तरं।

भुज्जो जत्थ मणुस्सेसु, तत्थ से उववज्जई।।

(देवलोक से च्युत होकर) वह जीव विपुल ऋद्धि, द्युति, यश, वर्ण, आयु और अनुत्तर सुख वाले मनुष्य-कुलों में उत्पन्न होता है।३९

२८. बालस्स पस्स बालत्तं, अहम्मं पडिवज्जिया।

चिच्चा धम्मं अहम्मिट्ठे, नरए उववज्जई।।

तू बाल (अज्ञानी) जीव की मूर्खता को देख। वह अधर्म को ग्रहण कर, धर्म को छोड़, अधर्मिष्ठ बन नरक में उत्पन्न होता है।

२९. धीरस्स पस्स धीरत्तं, सव्वधम्माणुवत्तिणो।

चिच्चा अधम्मं धम्मिट्ठे, देवेसु उववज्जई।।

सब धर्मों का पालन करने वाले धीर-पुरुष की धीरता को देख। वह अधर्म को छोड़कर धर्मिष्ठ बन देवों में उत्पन्न होता है।४०

३०. तुलियाण बालभावं, अबालं चेव पंडिए।

चइऊण बालभावं, अबालं सेवए मुणि।।

पण्डित मुनि बाल-भाव और अबाल-भाव की तुलना कर, बाल-भाव को छोड़, अबाल-भाव का सेवन करता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन : ७ उरभ्रीय

१. पाहुने के (आएसं)

चूर्णि के अनुसार 'आएस' के संस्कृत रूप दो होते हैं—आदेश और आवेश। इसका अर्थ है—पाहुना।

२. मूंग, उड़द आदि (जवसं)

चूर्णिकार और टीकाकारों ने इसका अर्थ 'मूंग, उड़द आदि धान्य' किया है। शब्दकोश में इसका अर्थ—तृण, घास तथा गेहूं आदि धान्य किया गया है।

डॉ० हरमन जेकोबी ने इस शब्द पर टिप्पणी देते हुए लिखा है कि भारतवर्ष में धान्य कणों द्वारा पोषित भेड़ का मांस अच्छा गिना जाता है।

३. अपने आंगन में (सयंगणे)

इसका अर्थ है—अपने घर के आंगन में। चूर्णिकार ने मूल में तथा शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप में 'विसयंगणे' मानकर 'विसय' का अर्थ 'गृह' और 'आंगण' का अर्थ 'आंगन' किया है। विषयांगण अर्थात् गृहांगण। इसका दूसरा अर्थ—इन्द्रियों के विषयों की गणना करता हुआ—चिन्तन करता हुआ—किया गया है।

४. (श्‍लोक १)

चूर्णिकार और टीकाकार ने यहां एक कथा प्रस्तुत की है। कथा के प्रसंग में निर्युक्ति की एक गाथा है—

आउरचिन्नाइं एयाइं, जाइं चरइ नंदिओ।

सुक्कत्तणेहिं लाढाहि, एयं दीहाउलक्खणम्।।

गाय ने अपने बछड़े से कहा—''वत्स! यह नंदिक—मेमना जो खा रहा है, वह आतुर (मरणासन्न) का चिन्ह है। रोगी अन्तकाल में पथ्य या अपथ्य जो कुछ मांगता है, वह सब उसे दे दिया जाता है। वत्स! सूखे तिनकों से जीवन चलाना दीर्घायु का लक्षण है।''

इसकी तुलना मुनिक जातक (नं ३०) के श्‍लोक से होती है—

मा मुनिकस्प पिहपि, आतुरन्नानि भुंजति।

अप्पोसुक्को भुसं खाद, एतं दीघायुलक्खणं।।

५. विशाल देहवाला होकर पाहुने की आकांक्षा करता है। (विउले देहे आएसं परिकंखए)

चूर्णिकार ने विशाल देह का अर्थ—मांस से उपचित शरीर किया है। प्रश्‍न होता है कि मरना कोई नहीं चाहता, फिर पाहुने की आकांक्षा करना कैसे संभव हो सकता है?

चूर्णिकार ने समाधान की भाषा में कहा है—मांस के अत्यधिक उपचित हो जाने के कारण शरीर स्वयं मेद से फटने जैसी स्थिति में हो जाता है। इस तथ्य को रूपक की भाषा में 'आकांक्षा करता है' निरूपित किया है।

६. बेचारा (दुही)

सूत्रकार ने उस उपचित मेमने को दु:खी बताया है। प्रश्‍न होता है कि समस्त सुखोपभोग करते हुए भी वह दु:खी क्यों है? चूर्णिकार और नेमिचन्द्र इसका समाधान इन शब्दों में देते हैं कि जिस प्रकार मारे जाने वाले मनुष्य या पशु को अलंकृत करना तत्त्वत: उसे दु:खी करना ही है। वैसे ही मेमने को खिलाए जाने वाले ओदन आदि तत्त्वत: दु:ख देने वाले हैं।

शान्त्याचार्य ने 'सेऽदुही' में आकार को लुप्त मानकर प्रथम व्याख्या 'अदुही' की है। परन्तु यहां 'दुही' शब्द 'अदुही' की अपेक्षा अधिक अर्थ देता है।

७. (अन्नदत्तहरे)

अन्नदत्तहर शब्द के चार अर्थ किए हैं—

(१) दूसरों को दी गई वस्तु को बीच में ही छीन लेने वाला।

(२) जो दूसरा देना नहीं चाहता, उसे बलात् छीन लेने वाला।

(३) गांव, नगर आदि में चोरी करने वाला।

(४) ग्रन्थिछेद कर दूसरों का धन चुराने वाला।

८. महाआरंभ (महारंभ)

जिस व्यवसाय में बहुत प्राणियों की घात होती है उसे महा-आरंभ कहा जाता है। महान् आरम्भ अर्थात् अपरिमित हिंसा का व्यापार।

९. बलवान् (परिवूढे)

इसका शाब्दिक अर्थ है—जिसका शरीर मांस और शोणित से उपचित हो गया है। तात्पर्य में यह बलवान् और समर्थ का सूचक है।

१०. दूसरों का दमन करने वाला (परंदमे)

जो दूसरों को अपनी इच्छानुसार कार्यों में नियोजित करने में समर्थ हो, वह 'परंदम' होता है।

जो दूसरों का दमन करने में समर्थ होता है, वह 'परंदम' है।

विशेष : पांचवें और छठे, सातवें श्‍लोक में जैनधर्म का आचारशास्त्रीय दृष्टिकोण प्रतिपादित है।

११. कर-कर शब्द करते हुए (कक्कर)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—मधुर और दंतुर मांस किया है।

वृत्ति में इसका अर्थ है—जो मांस खाते समय चने की भांति 'करकर' शब्द करता है वैसा मेदुर, दंतुर और अत्यन्त पका हुआ मांस।

१२. नरक के आयुष्य की आकांक्षा करता है (आउयं नरए कंखे)

प्रस्तुत तीन श्‍लोकों (५, ६, ७) में कुछेक प्रवृत्तियों का नामोल्लेख कर उनसे होने वाले परिणाम अर्थात् नरकगमन का निर्देश किया है। वे प्रवृत्तियां संक्षेप में इस प्रकार हैं—

(१) हिंसा

(२) मृषावाद

(३) अदत्तादान

(४) विषयासक्ति

(५) महान् आरम्भ

(६) महान् परिग्रह

(७) मांस-मदिरा का सेवन

(८) शोषण।

स्थानांग (४।६२८) में नरकयोग्य कर्मार्जन के चार हेतु माने हैं—

१. महान् आरम्भ

२. महान् परिग्रह

३. पंचेन्द्रिय वध

४. मांस-भक्षण।

इन चार कारणों का विस्तार इन तीन श्‍लोकों (५-७) में है। नरकगमन के ये चार हेतु ही नहीं हैं, और भी अनेक हेतु हो सकते हैं। अध्यवसायों की क्लिष्टता और उससे संचालित कोई भी प्रवृत्ति नरक का कारण बन सकती है।

वृत्तिकार के अनुसार पांचवें और छठे श्‍लोक के दो चरणों में आरम्भ—हिंसा का कथन किया गया है तथा छठे के शेष दो चरणों तथा सातवें श्‍लोक के प्रथम दो चरणों में रसगृद्धि का निर्देश है और अवशिष्ट दो चरणों में आरम्भ और रसगृद्धि से होने वाले परिणाम—दुर्गतिगमन का निर्देश है।

१३. दु:ख से एकत्रित हुए (दुस्साहडं)

चूर्णिकार ने 'दुस्साहडं' के तीन अर्थ किए हैं।

१. 'दुट्ठं साहडं—दुस्साहडं'—कष्टपूर्वक उपार्जित, दूसरों को राजी कर उपार्जन करना।

२. दुक्खेण वा साहडं—दुस्साहडं—शीत, वात आदि अनेक कष्टों को सहते हुए उपचित।

३. दुष्ट उपायों से दूसरे की संपत्ति को टान लेना।

शान्त्याचार्य ने इसका मूल अर्थ इस प्रकार किया है—स्वयं दु:ख को भोगकर तथा दूसरों को भी दु:खी बना कर उपार्जित करना। इसका वैकल्पिक अर्थ है—अत्यन्त कष्टपूर्वक संचित।

आचार्य नेमिचन्द्र ने एक श्‍लोक उद्धृत कर धन के 'दुस्साहड' का समर्थन किया है—

'अर्थानामर्जने दु:खमर्जितानां च रक्षणे।

नाशे दु:खं व्यये दु:खं, धिगर्थं दु:खभाजनम्।।'

१४. द्यूत आदि के द्वारा गंवाकर (हिच्चा)

इसका सामान्य अर्थ है—छोड़कर। परन्तु प्रस्तुत प्रकरण में इसका अर्थ है—द्यूत आदि व्यसनों के द्वारा गंवाकर। नेमिचन्द्र ने इसी आशय का एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

द्यूतेन मद्येन पणाङ्गनाभि:, तोयेन भूपेन हुताशनेन।

मलिम्लुचेनांऽशहरेण नाशं, नीयेत वित्तं क्‍व धने स्थिरत्वम्।।

१५. केवल वर्तमान को ही देखने वाला जीव (पच्चुप्पन्नपरायणे)

प्रत्युत्पन्न का अर्थ है—वर्तमान। जो केवल वर्तमान के लिए एकनिष्ठ है, वह प्रत्युत्पन्नपरायण होता है। केवल वर्तमान को देखने वाला नास्तिक होता है और वह परलोक से सर्वथा निरपेक्ष होकर मानता है—'एतावानेव लोकोऽयं, यावानिन्द्रियगोचर:'—लोक इतना ही है, जितना दृष्टिगोचर होता है। परलोक, स्वर्ग, नरक केवल कल्पना है।

१६. मरणान्तकाल में...शोक करता है (मरणंतम्मि सोयई)

नास्तिकता का जीवन जीने वाला व्यक्ति भी मृत्यु के समय शोक-निमग्‍न होकर सोचता है—हाय! अब मुझे यहां से जाना होगा। मैं नहीं जानता कि मैं कहां जाऊंगा । मेरी क्या गति होगी? मैंने अपना सारा जीवन मोह से मूर्च्छित होकर यों ही बिता डाला। वृत्तिकार का मत है कि अत्यन्त नास्तिक व्यक्ति भी मृत्यु-काल में मारणान्तिक वेदना से अभिभूत होकर अपने जीवन पर आंसू बहाता है।

१७. मेमना (अय)

शान्त्याचार्य ने 'अज' का अर्थ 'पशु तथा प्रस्तावानुसार उरभ्र (मेमना) किया है।' अज शब्द अनेकार्थक है। इसके बकरा, भेड़, मेंढ़ा आदि अनेक अर्थ होते हैं। यहां इसका अर्थ—भेड़ या मेंढ़ा है। इसके स्थान पर एड़क और उरभ्र ये दो शब्द और यहां प्रयुक्त हैं। एड़क का अर्थ—मेंढ़ा और बकरा भी हो सकता है किन्तु उरभ्र का अर्थ भेड़ व मेंढ़ा ही है।

१८. आसुरीय दिशा (नरक) की ओर (आसुरियं दिसं)

जहां सूर्य न हो उसे आसुरिय (असूर्य) कहा जाता है। इसका दूसरा अर्थ 'आसुरीय' किया गया है। रौद्र कर्म करने वाला असुर कहलाता है। असुर की जो दिशा होती है उसे 'आसुरीय' कहा जाता है। इसका तात्पर्यार्थ है—नरक। वहां सूर्य नहीं होता तथा वह क्रूर-कर्म करने वालों की दिशा है इसलिए वह 'आसुरीय' है।६ तात्पर्य में वह अंधकारपूर्ण दिशा है। प्रथम अर्थ के अनुसार 'असुरिय' पाठ होना चाहिए और द्वितीय अर्थ के अनुसार वह 'आसुरीय' होना चाहिए।

१९. काकिणी के (कागिणिए)

चूर्णि के अनुसार एक रुपये के अस्सीवें भाग तथा विसोवग के चौथे भाग को काकिणी कहा जाता था। वि (वी) सोवग—विशोपक—देशी शब्द है। यह एक प्रकार का सिक्का था। यह रुपये का बीसवां भाग था।

शान्त्याचार्य ने लिखा है—बीस कौड़ियों की काकिणी होती है। मोनियर-मोनियर विलियम्स के अनुसार बीस कौड़ियों की अथवा 'पण' के चतुरंश की एक काकिणी होती है। बीस मासों का एक 'पण' होता है और पांच मासों की एक काकिणी।

इस विवरण से यह स्पष्ट पता लगता है कि उस समय अन्यान्य सिक्कों के साथ-साथ काकिणी, वीसोपग, पण, कौड़ी आदि भी चलते थे। यदि हम रुपये को मध्य-बिन्दु मानकर सोचते हैं तो—

८० काकिणी — १ रुपया

२० विसोपग — १ रुपया

२० पण — १ रुपया

१६०० कौड़ियां — १ रुपया

२० कौड़ियां

१/४ वीसोपग — १ काकिणी

१/४ पण अथवा ५ मासा

अनुयोगद्वार (सूत्र १३२) में सोना, चांदी, रत्‍न आदि तौलने के बाटों में गुंजा, काकिणी आदि का उल्लेख हुआ है। काकिणी को सवा रत्ती परिमाण का माना है। यह भी उपर्युक्त तालिका से सही लगता है। पाणिनी के व्याकरण में 'काकिणी' का प्रयोग नहीं हुआ है। इससे यह अनुमान किया जाता है कि उस समय इस सिक्के का प्रचलन नहीं हुआ होगा। चाणक्य ने ताम्बे की सूची में इसका नाम दिया है (कौटिलीय अर्थशास्त्र, २।१९)। बौद्ध साहित्य में काकिणी तथा कार्षापण का उल्लेख मिलता है। आठ काकिणी का एक कार्षापण होता था। चार काकिणी के तीन मासे होते थे। कात्यायन ने सूत्र ५।१।३३ पर दो वार्तिकों में काकिणी और अर्ध काकिणी का उल्लेख किया है। वहां एक, डेढ़ और दो काकिणी से मोल ली जाने वाली वस्तु के लिए काकणीक, अध्यर्धकाकणी और द्विकाकणिक प्रयोग सिद्ध किए गए हैं। देखिए—२०।४२ के 'कहावणे' का टिप्पण।

२०. हजार (कार्षापण) (सहस्सं)

'सहस्सं' शब्द के द्वारा हजार कार्षापण उपलक्षित किए गए हैं। ऐसा चूर्णि और वृत्ति का अभिमत है। कार्षापण एक प्रकार का सिक्का है। इसका मान, जो धातु तोली जाती है उसके आधार पर भिन्न-भिन्न होता है। जैसे—यदि सोना हो तो १६ मासा, यदि चांदी हो तो १६ पण अथवा १२८० कौड़ियां, यदि तांबा हो तो ८० रक्तिकाएं अथवा १७६ ग्रेन आदि। नारद (जिसका समय १०० और ३०० ई० के बीच में पड़ता है) ने एक स्थान में कहा है कि चांदी का कार्षापण दक्षिण में चालू था और प्राच्य देश में वह २० पण के बराबर था और पंचनद प्रदेश में चालू कार्षापण को वे प्रमाण नहीं मानते थे। विशेष विवरण के लिए देखिए—२०।४२ के 'कहावणे' का टिप्पण।

२१. (श्‍लोक ११)

इस श्‍लोक में दो कथाओं का संकेत है—

१. एक काकिणी के लिए सहस्र कार्षापण को हारना। तुलना—

सीलव्वयाइं जो बहुफलाइं, हंतूण सुखमहिलसइ।

धिइदुब्बलो तवस्सी, कोडीए कागिणिं किणई।।

(उपदेशमाला श्‍लोक १८८)

२. आम्रफल में आसक्त हो राजा के द्वारा अपने जीवन और राज्य को खो देना।

दोनों कथाओं के लिए देखें—इसी अध्ययन का आमुख।

२२. प्रज्ञावान् पुरुष की (पण्णवओ)

शान्त्याचार्य के अनुसार वही व्यक्ति प्रज्ञावान् कहलाता है जो ज्ञान और क्रिया—दोनों से युक्त हो, जो हेय और उपादेय की विवेक-बुद्धि से युक्त हो। निश्‍चयनय के अनुसार क्रियारहित प्रज्ञा अप्रज्ञा ही होती है।

नेमिचन्द्र के अनुसार प्रकृष्ट ज्ञान प्रज्ञा है। क्रिया-विकल ज्ञान प्रकृष्ट होता ही नहीं, क्योंकि उसमें राग-द्वेष आदि समन्वित रहते हैं। अत: वह अप्रज्ञा ही है।

२३. अनेक वर्ष नयुत (असंख्यकाल) की (अणेगवासानउया)

वर्षों के अनेक नयुत—अर्थात् पल्योपम सागरोपम। 'नयुत' एक संख्यावाची शब्द है। वह पदार्थ की गणना में भी प्रयुक्त होता है और आयुष्य काल की गणना में भी। यहां आयुष्य काल की गणना की गई है। अत: इसके पीछे वर्ष शब्द जोड़ना पड़ा। 'वर्ष नयुत' वर्षों की संख्या देता है। 'नयुत' में जितने वर्ष होते हैं उनका परिमाण इस प्रकार है—

८४००००० वर्ष — १ पूर्वाङ्क

८४००००० पूर्वाङ्क — १ पूर्व

८४००००० पूर्व — १ नयुतांग

८४००००० नयुतांग — १ नयुत

(८४ लाख × ८४ लाख × ८४ लाख × ८४ लाख) = १ नयुत। अर्थात् एक नयुत में इतने—४९७८७१३६ ०००, ०००, ०००, ०००, ०००, ०००, ०० वर्ष होंगे।

२४. सौ वर्ष जितने अल्प जीवन के लिए (ऊणे वाससयाउए)

इसका शाब्दिक अर्थ है—सौ वर्ष जितनी अल्प आयुष्य की स्थिति में। चूर्णि के अनुसार भगवान् महावीर ने जब धर्म का प्रतिपादन किया तब सामान्यत: मनुष्य की आयु सौ वर्ष की थी। यह आयु 'नयुत' की अपेक्षा बहुत न्यून है। वृत्ति के अनुसार भगवान् महावीर के तीर्थ में मनुष्य प्राय: सौ वर्ष जितनी न्यून आयु वाले होते थे।

प्रस्तुत श्‍लोक में विषय और आयुष्य की तुलना की गई है। स्वर्ग की स्थिति दीर्घकालीन होती है। उसकी तुलना में मनुष्य जीवन की स्थिति अल्पकालीन बताई गई है।

२५. (श्‍लोक १४-१६)

सूत्रकार ने दो श्‍लोकों (१४-१५) में एक व्यावहारिक उपमा का उल्लेख किया है। सोलहवें श्‍लोक में उसका निगमन प्रस्तुत किया है। नेमिचन्द्र ने सरस शब्दों में उस कथा का विस्तार इस प्रकार किया है—

एक धनिक बनिये के तीन पुत्र थे। उसने अपने पुत्रों की बुद्धि, व्यवसाय-कौशल, पुण्यशालिता और पुरुषार्थ की परीक्षा लेनी चाही। उसने एक उपाय किया। तीनों पुत्रों को एक-एक हजार कार्षापण देते हुए उसने कहा—'इस पूंजी से तुम तीनों व्यापार करो और अमुक काल के बाद मेरे पास पूंजी लेकर आओ।' वे तीनों मूल पूंजी को लेकर अपने नगर से चले और भिन्न-भिन्न नगरों में व्यापार करने के लिए अवस्थित हो गए। एक ने सोचा—'पिताजी हमारी परीक्षा करना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने परदेश भेजा है। अब मेरा कर्त्तव्य है कि मैं प्रचुर अर्थ का उपार्जन करूं और पिताजी को संतुष्ट करूं।' जो मनुष्य पुरुषार्थ नहीं करता वह केवल 'हडप्पा' जैसा होता है, केवल घास-फूस का पुतला होता है। इसलिए अपना पुरुषार्थ करना अपेक्षित है। मेरे लिए अर्थ के उपार्जन का यह सुन्दर अवसर है। कहा भी है—प्रथमे नार्जिता विद्या, द्वितीये नार्जितं धनं। तृतीये न तपस्तप्तं, चतुर्थे किं करिष्यति? जिस व्यक्ति ने अपने प्रथम वय में विद्या का अध्ययन नहीं किया, दूसरे वय में धन नहीं कमाया और तीसरे वय में तपस्या नहीं की, साधना नहीं की, वह भला अंतिम वय में क्या कर पाएगा? यह सोचकर वह धन के उपार्जन में लगा। सादगीमय जीवन जीने का लक्ष्य बनाया और द्यूत आदि व्यसनों से दूर रहकर व्यापार में एकनिष्ठ हो गया। व्यापार चला और उसके विपुल लाभ हुआ।

दूसरे लड़के ने सोचा—'हमारे घर में धन की कमी नहीं है। प्रचुर धन है हमारे पास, किन्तु बिना कुछ नया उपार्जित किए, वह धन भी कभी न कभी पूरा हो जाएगा। इसलिए मुझे मूलधन की सुरक्षा करनी चाहिए।' वह व्यापार करने लगा। जो लाभ प्राप्त होता, उसको भोजन आदि में खर्च कर देता। बचाता कुछ भी नहीं।

तीसरे लड़के ने सोचा—विचित्र है कि हमारे घर में सात पीढ़ी तक खर्च करने जितना धन है। परन्तु पिताजी वृद्ध हैं। उनमें सोचने की शक्ति नहीं है। धन की न्यूनता न हो जाए इसलिए उन्होंने हमें परदेश भेजा है। यह ठीक ही कहा है—

पंचासा वोलीणा, छट्ठाणा नूणं जंति पुरिसस्स।

रूवाणा ववसायो, हिरि सत्तोदारया चेव।।

जब व्यक्ति पचास वर्ष की अवस्था को पार कर जाता है तब उसमें छह कमियां आती हैं—(१) रूप की कमी (२) आज्ञा देने की अक्षमता (३) व्यवसाय करने की निपुणता में कमी (४) लज्जाहीनता (५) शक्ति की न्यूनता और (६) उदारता की कमी।

मैं क्यों धन कमाने के क्लेश में पडूं? उसने यह सोच कर व्यापार नहीं किया और केवल द्यूत, मद्य, मांस आदि के सेवन में लगा रहा। कुछ ही दिनों में मूल पूंजी खर्च हो गई।

काल की अवधि पूरी हुई। तीनों अपने नगर लौटे। जिस पुत्र ने अपनी मूल पूंजी गंवा डाली थी, पिता ने उसे अपने ही घर में नौकर की तरह रहने के लिए बाध्य किया। जिसने मूल पूंजी की सुरक्षा की थी, उसे घर का काम-काज सौंपा और जिसने पूंजी को बढ़ाया था उसे घर का स्वामी नियुक्त किया।

इसी कथा का दूसरा कोण इस प्रकार है—

तीनों व्यापार करने लगे। जिसने अपनी मूल पूंजी गंवा डाली, वह आगे व्यापार करने में असमर्थ रहा। उसने फिर नौकरी प्रारंभ की। दूसरे ने मूल पूंजी की सुरक्षा की तो वह पुन: व्यापार करने लग गया। तीसरे ने मूल पूंजी को इतना बढ़ाया कि वह अपने परिवार के साथ आनन्द से रहने लगा।

सोलहवें श्‍लोक का निगमन इस प्रकार है—

तीन संसारी प्राणी मनुष्य योनि में जन्मे। उनमें से एक व्यक्ति संयम, आर्जव, मार्दव आदि गुणों से समन्वित होकर, सामान्य आरम्भ और परिग्रह से जीवन यापन करने लगा। वह मर कर पुन: मनुष्यभव में आया। यह मूल की सुरक्षा है। दूसरा सम्यक्-दर्शन और चारित्रिक गुणों से युक्त होकर, सरागसंयम का पालन कर देवलोक में गया। उसने मूल पूंजी को बढ़ाया। तीसरे ने अपना जीवन हिंसा आदि में व्यतीत कर, मरकर नरक योनि या तिर्यञ्च योनि में जन्मा। यह मूल पूंजी को हार जाने की बात है।

२६. वध-हेतुक (वहमूलिया)

चूर्णि के अनुसार इसका संस्कृत रूप 'व्यधमूलिका' और वृत्ति के अनुसार 'वधमूलिका' है। व्यध का अर्थ प्रमारण या ताड़न और 'वध' का अर्थ प्राणिघात, विनाश या ताड़न किया गया है।

२७. लोलुप और वंचक पुरुष (लोलयासढे)

यहां 'लोलया' शब्द चिन्तनीय है। यह पुरुष का विशेषण हो तो इसका रूप 'लोलए' होना चाहिए। 'लोलए सढे' का अर्थ 'लोलुपता से शठ' हो तो उक्त पाठ हो सकता है किन्तु यह अर्थ मान्य नहीं रहा है। वृत्तिकार ने 'लोलया' पाठ की संगति इस प्रकार की है—जो मनुष्य मांस आदि में अत्यन्त लोलय होता है, वह उसी में तन्मय हो जाता है। उसी तन्मयता को प्रगट करने के लिए यहां लोल (लोलुप) को भी लोलता (लोलुपता) कहा गया है। या से आ को अलाक्षणिक माना जाए तो लोलय का लोलक बनता है—लोलक अर्थात् लोलुप।

शठ का अर्थ है—आलसी या विश्‍वस्त व्यक्तियों को ठगने वाला। मांसाहार नरकगति और वंचना तिर्यक्गति में उत्पन्न होने के हेतु हैं। इसलिए इस श्‍लोक में 'लोलय' और 'शठ' का प्रयोग सापेक्ष है।

२८. (श्‍लोक २०)

चूर्णि में शिक्षा का अर्थ शास्त्र-कला का कौशल है। शान्त्याचार्य ने शिक्षा का अर्थ—प्रकृतिभद्रता आदि गुणों का अभ्यास—किया है। प्रस्तुत प्रकरण में यह अर्थ अधिक उपयुक्त है।

चूर्णि में सुव्रत का अर्थ 'ब्रह्मचरणशील' है। शान्त्याचार्य ने सुव्रत का अर्थ—सत्पुरुषोचित, अविषाद आदि गुणों से युक्त किया है। यहां व्रत का प्रयोग आगमोक्त श्रावक के बारह व्रतों के अर्थ में नहीं है। उन व्रतों को धारण करने वाला 'देवगति' (वैमानिक) में ही उत्पन्न होता है। यहां सुव्रती की उत्पत्ति मनुष्ययोनि में बतलाई गई है। इसलिए यहां व्रत का अर्थ—प्रकृतिभद्रता आदि का अनुशीलन होना चाहिए। स्थानांग में बताया है कि मनुष्य-गति का बन्ध चार कारणों से होता है—

१. प्रकृति-भद्रता, २. प्रकृति-विनीतता, ३. सानुक्रोशता, ४. अमत्सरता।

जीव जैसा कर्म-बन्ध करते हैं, वैसी गति उन्हें प्राप्त होती है। इसलिए उन्हें कर्म-सत्य कहा है। जीव जो कर्म करते हैं उसे भोगना ही पड़ता है, बिना भोगे उससे मुक्ति नहीं मिलती। इसलिए जीवों को कर्म-सत्य कहा है। जिनके कर्म (मानसिक, वाचिक और कायिक प्रवृत्तियां) सत्य (अविसंवादी) होते हैं, वे कर्म-सत्य कहलाते हैं। जिनके कर्म निश्‍चित रूप से फल देने वाले होते हैं, वे कर्म-सत्य कहलाते हैं। 'कम्मसच्चा हु पाणिणो' यह अर्थान्तरन्यास है।

२९. विपुल शिक्षा (विउला सिक्खा)

शिक्षा दो प्रकार की होती है—ग्रहण अर्थात् जानना और आसेवन अर्थात् ज्ञात विषय का अभ्यास करना। ज्ञान के बिना आसेवन सम्यक् नहीं होता और आसेवन के बिना ज्ञान सफल नहीं होता, इसलिए ज्ञान और आसेवन दोनों मिलकर ही शिक्षा को पूर्ण बनाते हैं। जिन व्यक्तियों की शिक्षा विपुल होती है—सम्यक्-दर्शन युक्त अणुव्रतों या महाव्रतों की आराधना से सम्पन्न होती है—वे देवलोक में उत्पन्न होते हैं।

३०. शीलसंपन्न.....करनेवाले (सीलवंता सवीसेसा)

शील का अर्थ है—सदाचार। जो उत्तरोत्तर गुणों को प्राप्त करते हैं, जो लाभोन्मुख होते हैं, वे सविशेष कहलाते हैं।

३१. अदीन-पराक्रमी (अद्दीणा)

चूर्णि में अदीन के तीन अर्थ प्राप्त हैं—(१) कष्टसहिष्णु, (२) असंयम का परिहार करने वाला, (३) सदा प्रसन्न रहने वाला।

वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—(१) जो इस चिन्ता से मुक्त होता है कि मुझे यहां से मर कर कहां जाना है, (२) जो परीषह और उपसर्गों के आने पर दीन नहीं होता।

३२. देवत्व को (देवयं)

यह सोलहवें श्‍लोक के 'लाभो देवगई भवे' का निगमन है। वृत्तिकार ने यहां प्रश्‍न उपस्थित किया है कि यहां देवत्व के लाभ की बात क्यों कही गई? वास्तव में मुक्ति-लाभ की बात कहनी चाहिए थी। इसका समाधान देते हुए वे कहते हैं—आगम त्रैकालिक होते हैं, किसी समय-विशेष के नहीं होते।

वर्तमान में विशिष्ट संहनन के अभाव में मुक्ति की प्राप्ति असंभव है, इसलिए यहां 'देवत्व' की बात कही गई है। वृत्ति की इस व्याख्या से विषय का प्रसंगान्तर हो जाता है।

३३. इस अति संक्षिप्त आयु में (सन्निरुद्धंमि आउए)

इस काल में मनुष्य की सामान्य आयु सौ वर्ष की मानी जाती है। इससे अधिक आयुष्य वाले मनुष्य बहुत ही कम होते हैं। यह अति संक्षिप्त आयुष्य है। यह इसका एक अर्थ है।

इसका दूसरा अर्थ है—आयुष्य दो प्रकार का होता है—सोपक्रम और निरुपक्रम। सोपक्रम आयुष्य में अनेक अवरोध आते हैं और प्राणी असमय में ही काल-कवलित हो जाता है। वह अपने आयुष्य कर्म के पुद्गलों को शीघ्र (संक्षेप में) भोग लेता है।

३४. योगक्षेम को (जोगक्खेमं)

योग का अर्थ है—अप्राप्त की प्राप्ति और क्षेम का अर्थ है—प्राप्त का संरक्षण। यहां 'योगक्षेम' का तात्पर्य है—अध्यात्म की उन अवस्थाओं को प्राप्त करना जो आज तक प्राप्त नहीं थीं और जो प्राप्त हैं उनका सम्यग् संरक्षण करना, परिपालन करना।

प्रस्तुत श्‍लोक में प्रश्‍न किया गया है कि जब आयुष्य इतना अल्प है तो मनुष्य किन कारणों से अपने योगक्षेम को नहीं जानता? अथवा जानता हुआ भी उसकी उपेक्षा करता है?

योगक्षेम को न जानने के कारण अगले श्‍लोक (२५) में निर्दिष्ट हैं—(१) कामभोगों से निवृत्त न होना और (२) पार ले जाने वाले मार्ग को सुनकर-जानकर भी उसकी उपेक्षा करना।

गीता में भी योगक्षेम शब्द प्रयुक्त है। वहां उसका अर्थ है—अप्राप्त की प्राप्ति और प्राप्त की रक्षा।

३५. (श्‍लोक २४)

प्रस्तुत श्‍लोक के अन्त में वृत्तिकारों ने इस अध्ययन में प्रयुक्त पांच दृष्टान्तों का निगमन प्रस्तुत किया है। वह इस प्रकार है—

१. उरभ्र का दृष्टान्त—भोगों के उपभोग से भविष्य में होने वाले दोषों का निदर्शक।

२-३. काकिणी और आम्रफल का दृष्टान्त—भविष्य में अपाय-बहुल होने पर भी जो अतुच्छ है—प्रचुर है, उसे नहीं छोड़ा जा सकता—इसका निदर्शक।

४. वणिग् का दृष्टान्त—तुच्छ को भी वही छोड़ सकता है जो लाभ और अलाभ को जानने में कुशल है, जो आय-व्यय को तोलने में कुशल है—इस तथ्य का निदर्शक दृष्टान्त।

५. समुद्र का दृष्टान्त—आय-व्यय को कैसे तोला जाए, उसका निदर्शक दृष्टान्त। जैसे—दिव्यकामभोग समुद्र के जल के समान है। उसका उपार्जन महान् आय है और अनुपार्जन महान् व्यय है।

३६. कामभोगों से निवृत्त न होने वाले पुरुष का (कामाणियट्टस्स)

काम-निवृत्ति प्रत्येक मनुष्य के लिए आवश्यक है। सोमदेवसूरि ने त्रिवर्ग के संतुलन पर विमर्श किया है। उनके अनुसार जिससे सब इन्द्रियों से प्रीति होती है, उसका नाम है 'काम'। उन्होंने काम-सेवन के विषय में कुछ विकल्प प्रस्तुत किए हैं—

१. काम का सेवन उस सीमा तक हो, जिससे धर्म और अर्थ की सिद्धि में विरोध न आए।

२. धर्म, अर्थ और काम का संतुलित सेवन हो।

३. काम का अतिसेवन शरीर को पीड़ा पहुंचाता है तथा धर्म और अर्थ में बाधा डालता है।

४. जहां धर्म, अर्थ और काम का युगपत् प्रसंग हो तो उनमें प्राथमिकता है धर्म की, फिर अर्थ की और काम का स्थान है सबसे अन्त में।

जो मनुष्य अर्थ का अतिसेवन करता है, वह काम और धर्म का अतिक्रमण करता है। जो काम का अतिसेवन करता है, वह धर्म और अर्थ का अतिक्रमण करता है। जो धर्म का अतिसेवन करता है वह अर्थ और काम का अतिक्रमण करता है। जीवन के लिए धर्म, अर्थ और काम—तीनों आवश्यक हैं, पर इनका संतुलित सेवन ही सुखद अवस्था पैदा कर सकता है।

३७. पार ले जाने वाले मार्ग को (नेयाउयं मग्गं)

सम्यग्ज्ञान, सम्यग्दर्शन और सम्यग्चारित्र—यही नैर्यात्रिक मार्ग है, मुक्ति-मार्ग है। यही पार ले जाने वाला है।

३८. पूतिदेह (औदारिक शरीर) का (पूइदेह)

शरीर पांच प्रकार के होते हैं—औदारिक, वैक्रिय, आहारक, तैजस और कार्मण। औदारिक शरीर रक्त, मांस, हड्डी आदि से युक्त होता है। अत: उसे 'पूतिदेह'—दुर्गन्ध पैदा करने वाला शरीर माना गया है।

३९. (श्‍लोक २७)

ऋद्धि—स्वर्ण आदि का समुदय।

द्युति—शरीर की कान्ति।

यश:—पराक्रम से होने वाली प्रसिद्धि।

वर्ण—गांभीर्य आदि गुणों से होने वाली श्‍लाघा अथवा गौरव।

सुख—इष्ट विषयों की उपलब्धि से होने वाला आह्लाद।

४०. (श्‍लोक २८-२९)

इन श्‍लोकों में व्यवहृत कुछ शब्दों के अर्थ—

१. धर्म—अहिंसा, संयम और तप लक्षण वाला आचार।

२. अधर्म—विषयासक्ति, पदार्थासक्ति।

३. बाल—अज्ञानी।

४. धीर—धृतिमान्। जिसमें धृति—मन के नियमन की शक्ति होती है, वह।

वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—(१) बुद्धिमान और (२) कष्टों से अक्षुब्ध रहने वाला।

कवि की प्रसिद्ध उक्ति है—''विकारहेतौ सति विक्रियन्ते येषां न चेतांसि त एव धीरा:''—विकार के हेतु उपस्थित होने पर भी जिन मनुष्यों का मन विकारग्रस्त नहीं होता, वे धीर होते हैं।

दशवैकालिक सूत्र के टीकाकार आचार्य हरिभद्रसूरी कहते हैं—दशवैकालिक के प्रथम अध्ययन में धर्म का वर्णन है। वह धृति के बिना टिक नहीं सकता। अत: दूसरे अध्ययन 'सामण्णपुव्वयं' में धृति का प्रतिपादन है। श्रामण्य और तप का मूल धृति है—

जस्स धिई तस्स तवो जस्स तवो तस्स सुग्गई सुलभा।

जे अधिइमंतपुरिसा तवोऽपि खलु दुल्लहो तेसिं।।

जिसमें धृति होती है, उसके तप होता है। जिसके तप होता है, उसको सुगति सुलभ है। जो अधृतिमान् पुरुष हैं, उनके लिए तप भी निश्‍चित ही दुर्लभ है।

महाभारत के अनुसार सुख और दु:ख में विचलित नहीं होना, सम रहना, धृति है। धृति दूसरा साथी है।

५. सर्वधर्मानुवर्ती—वृत्तिकार ने सर्वधर्म का अर्थ—शान्ति आदि दसविध यतिधर्म—किया है। उसका अनुवर्तन करने वाला सर्वधर्मानुवर्ती होता है।

♦

आठवां अध्ययन : कापिलीय

08

आठवां अध्ययन : कापिलीय

आमुख

कपिल ब्राह्मण था। लोभ की बाढ़ ने उसके मन में विरक्ति ला दी। उसे सही स्वरूप ज्ञात हुआ। वह मुनि बन गया। संयोगवश एक बार उसे चोरों ने घेर लिया। तब कपिल मुनि ने उन्हें उपदेश दिया। वह संगीतात्मक था। उसी का यहां संग्रह किया गया है। प्रथम मुनि गाते, चोर भी उनके साथ-ही-साथ गाने लग जाते। 'अधुवे असासयंमि, संसारंमि दुक्खपउराए।...न गच्छेज्जा।।' यह प्रथम श्‍लोक ध्रुवपद था। मुनि कपिल द्वारा यह—अध्ययन गाया गया था, इसलिए इसे कापिलीय कहा गया है। सूत्रकृतांग चूर्णि में इस अध्ययन को 'गेय' माना गया है।

नाम दो प्रकार से होते हैं :—(१) निर्देश्य (विषय) के आधार पर और (२) निर्देशक (वक्ता) के आधार पर। इस अध्ययन का निर्देशक कपिल है, इसलिए इसका नाम कापिलीय रखा गया है।

इसका मुख्य प्रतिपाद्य है—उस सत्य का शोध जिससे दुर्गति का अन्त हो जाए। सत्य-शोध में जो बाधाएं हैं उन पर भी बहुत सुन्दर प्रकाश डाला गया है। लोभ कैसे बढ़ता है, इसका स्वयं अनुभूत चित्र प्रस्तुत किया गया है।

व्यक्ति के मन में पहले थोड़ा लोभ उत्पन्न होता है। वह उसकी पूर्ति करता है। मन पुन: लोभ से भर जाता है। उसकी पूर्ति का प्रयत्‍न होता है। यह क्रम चलता है परन्तु हर बार लोभ का उभार तीव्रता लिए होता है। ज्यों-ज्यों लाभ बढ़ता है त्यों-त्यों लोभ भी बढ़ता है। इसका अन्त तभी होता है जब व्यक्ति निर्लोभता की पूर्ण साधना कर लेता है।

उस काल और उस समय में कौशाम्बी नगरी में जितशत्रु राजा राज्य करता था। उसकी सभा में चौदह विद्याओं का पारगामी काश्यप नाम का ब्राह्मण था। उसकी पत्‍नी का नाम यशा था। उसके कपिल नाम का एक पुत्र था। राजा काश्यप से प्रभावित था। वह उसका बहुमान करता था। अचानक काश्यप की मृत्यु हो गई। उस समय कपिल की अवस्था बहुत छोटी थी। राजा ने काश्यप के स्थान पर दूसरे ब्राह्मण को नियुक्त कर दिया। वह ब्राह्मण जब घर से दरबार में जाता तब घोड़े पर आरूढ़ हो छत्र धारण करता था। काश्यप की पत्‍नी यशा जब यह देखती तो पति की स्मृति में विह्नल हो रोने लग जाती थी। कुछ काल बीता। कपिल भी बड़ा हो गया था। एक दिन जब उसने अपनी मां को रोते देखा तो इसका कारण पूछा। यशा ने कहा—''पुत्र! एक समय था जब तेरे पिता इसी प्रकार छत्र लगाकर दरबार में जाया-आया करते थे। वे अनेक विद्याओं के पारगामी थे। राजा उनकी विद्याओं से आकृष्ट था। उनके निधन के बाद राजा ने वह स्थान दूसरे को दे दिया है।'' तब कपिल ने कहा—''मां! मैं भी विद्या पढ़ूंगा।''

यशा ने कहा—''पुत्र! यहां सारे ब्राह्मण ईर्ष्यालु हैं। यहां कोई भी तुझे विद्या नहीं देगा। यदि तू विद्या प्राप्त करना चाहता है तो श्रावस्ती नगरी में चला जा। वहां तेरे पिता के परम मित्र इन्द्रदत्त नाम के ब्राह्मण हैं। वे तुझे विद्या पढ़ाएंगे।''

कपिल ने मां का आशीर्वाद ले श्रावस्ती की ओर प्रस्थान किया। पूछते-पूछते वह इन्द्रदत्त ब्राह्मण के यहां जा खड़ा हुआ। अपने समक्ष एक अपरिचित युवक को देखकर इन्द्रदत्त ने पूछा—''तुम कौन हो? कहां से आए हो? यहां आने का क्या प्रयोजन है?''

कपिल ने सारा वृत्तान्त सुनाया। इन्द्रदत्त कपिल के उत्तर से बहुत प्रभावित हुआ। उसने उसके भोजन की व्यवस्था शालिभद्र नामक एक धनाढ्य वणिक् के यहां करके अध्यापन शुरू कर दिया। कपिल भोजन करने प्रतिदिन सेठ के यहां जाता और इन्द्रदत्त से अध्ययन करता। उसे एक दासी की पुत्री भोजन परोसा करती थी। वह हंसमुख स्वभाव की थी। कपिल कभी-कभी उससे मजाक कर लेता था। दिन बीते, उनका सम्बन्ध गाढ़ हो गया। एक बार दासी ने कपिल से कहा—''तुम मेरे सर्वस्व हो। तुम्हारे पास कुछ भी नहीं है। मैं निर्वाह के लिए दूसरों के यहां रह रही हूं अन्यथा तो मैं तुम्हारी आज्ञा में रहती।''

इसी प्रकार कई दिन बीते। दासी-महोत्सव का दिन निकट आया। दासी का मन बहुत उदास हो गया। रात्रि में उसे नींद नहीं आई। कपिल ने इसका कारण पूछा। उसने कहा—''दासी-महोत्सव आ गया है। मेरे पास फूटी कौड़ी भी नहीं है। मैं कैसे महोत्सव मनाऊं? मेरी सखियां मेरी निर्धनता पर हंसती हैं और मुझे तिरस्कार की दृष्टि से देखती हैं।'' कपिल का मन खिन्न हो गया। उसे अपने अपौरुष पर रोष आया। दासी ने कहा—''तुम इतना धैर्य मत खोओ। समस्या का एक समाधान भी है। इसी नगर में धन नाम का एक सेठ रहता है। जो व्यक्ति प्रात:काल उसे सबसे पहले बधाई देता है उसे वह दो माशा सोना देता है। तुम वहां जाओ। उसे बधाई देकर दो माशा सोना ले आओ। इससे मैं पूर्णता से महोत्सव मना लूंगी।''

कपिल ने बात मान ली। कोई व्यक्ति उससे पहले न पहुंच जाए, यह सोच वह तुरन्त घर से रवाना हो गया। रात्रि का समय था। नगर-आरक्षक इधर-उधर घूम रहे थे। उन्होंने उसे चोर समझ पकड़कर बांध लिया और प्रभात में प्रसेनजित राजा के सामने प्रस्तुत किया। राजा ने उससे रात्रि में अकेले घूमने का कारण पूछा। कपिल ने सहज व सरल भाव से सारा वृत्तान्त सुना दिया। राजा उसकी स्पष्टवादिता पर बहुत प्रसन्न हुआ और बोला—''ब्राह्मण! आज मैं तुझ पर बहुत प्रसन्न हूं। तू जो कुछ मांगेगा वह मिलेगा।'' कपिल ने कहा—''राजन्! मुझे सोचने का कुछ समय दिया जाए।'' राजा ने कहा—''यथा इच्छा।''

कपिल राजा की आज्ञा ले अशोक वाटिका में चला गया। वहां उसने सोचा—''दो माशा सोने से क्या होगा? क्यों न मैं सौ मोहरें मांग लूं?'' चिन्तन आगे बढ़ा। उसे सौ मोहरें भी तुच्छ लगने लगीं। हजार, लाख, करोड़ तक उसने चिन्तन किया। परन्तु मन नहीं भरा। सन्तोष के बिना शान्ति कहां? उसका मन आंदोलित हो उठा। तत्क्षण उसे समाधान मिल गया। मन वैराग्य से भर उठा। चिन्तन का प्रवाह मुड़ा। उसे जाति-स्मृति-ज्ञान प्राप्त हो गया। वह स्वयं-बुद्ध हो गया। वह स्वयं अपना लुंचन कर, प्रफुल्ल वदन हो राजा के पास आया। राजा ने पूछा—''क्या सोचा है, जल्दी कहो।'' कपिल ने कहा—''राजन्! समय बीत चुका है। मुझे जो कुछ पाना था पा लिया है। तुम्हारी सारी वस्तुएं मुझे तृप्त नहीं कर सकीं। किन्तु उनकी अनाकांक्षा ने मेरा मार्ग प्रशस्त कर दिया है। जहां लाभ है वहां लोभ है। ज्यों-ज्यों लाभ बढ़ता है त्यों-त्यों लोभ भी बढ़ता जाता है। दो माशा सोने की प्राप्ति के लिए मैं घर से निकला था किन्तु मेरी तृप्ति करोड़ में भी नहीं हुई। तृष्णा अनन्त है। इसकी पूर्ति वस्तुओं की उपलब्धियों से नहीं होती, वह होती है त्याग से, अनाकांक्षा से।''

राजा ने कहा—''ब्राह्मण! मेरा वचन पूरा करने का मुझे अवसर दें। मैं करोड़ मोहरें भी देने के लिए तैयार हूं।'' कपिल ने कहा—''राजन्! तृष्णा की अग्‍नि अब शान्त हो गई है। मेरे भीतर करोड़ से भी अधिक मूल्यवान् वस्तु पैदा हो गई है। मैं अब करोड़ मोहरों का क्या करूं?'' मुनि कपिल राजा के सान्निध्य से दूर चला गया। साधना चलती रही। वे मुनि छह मास तक छद्मस्थ अवस्था में रहे।

राजगृह और कौशाम्बी के बीच १८ योजन का एक महाअरण्य था। वहां बलभद्र प्रमुख इक्कडदास जाति के पांच सौ चोर रहते थे। कपिल मुनि ने एक दिन ज्ञान-बल से जान लिया कि सभी चोर एक दिन अपनी पापकारी वृत्ति को छोड़कर संबुद्ध हो जाएंगे। उन सबको प्रतिबोध देने के लिए कपिल मुनि श्रावस्ती से चलकर उस महा अटवी में आए। चोरों के सन्देशवाहक ने उन्हें देख लिया। वह उन्हें पकड़ अपने सेनापति के पास ले गया। सेनापति ने इन्हें श्रमण समझ कर छोड़ते हुए कहा—''श्रमण! कुछ संगान करो।'' श्रमण कपिल ने हावभाव से संगान शुरू किया। ''अधुवे असासयंमि, संसारंमि दुक्खपउराए.....''—यह ध्रुवपद था। प्रत्येक श्‍लोक के साथ यह गाया जाता था। वहां उपस्थित सभी चोर ''अधुवे असासयंमि'' का सह-संगान करते हुए ताली बजाने लगे। उनके द्वारा इस पद्य का पुनरुच्चारण हो जाने पर कपिल ने आगे के श्‍लोक कहे। कई चोर प्रथम श्‍लोक सुनते ही संबुद्ध हो गए, कई दूसरे, कई तीसरे, कई चौथे श्‍लोक आदि सुनकर। इस प्रकार पांच सौ चोर प्रतिबुद्ध हो गए। मुनि कपिल ने उन्हें दीक्षा दी और वे सभी मुनि हो गए।

प्रसंगवश इस अध्ययन में ग्रन्थित्याग, संसार की असारता, कुतीर्थिकों की अज्ञता, अहिंसा-विवेक, स्त्री-संगम का त्याग आदि-आदि विषय भी प्रतिपादित हुए हैं।

यह अध्ययन 'ध्रुवक' छन्द में प्रतिबद्ध है। जो छन्द सर्वप्रथम श्‍लोक में तथा प्रत्येक श्‍लोक के अन्त में गाया जाता है, उसे 'ध्रुवक' कहते हैं। वह तीन प्रकार का होता है—छह पदों वाला, चार पदों वाला और दो पदों वाला:—

जं गिज्जइ पुव्वं चिय, पुणो-पुणो सव्वकव्वबंधेसु।

धुवयंति तमिह तिविहं, छप्पायं चउपयं दुपयं।।

(बुहद्वृत्ति, पत्र २८९)

इस अध्ययन में चार पदों वाले ध्रुवक का प्रयोग हुआ है।

अट्ठमं अज्झयणं : काविलीयं

आठवां अध्ययन : कापिलीय

मूल

१. अधुवे असासयंमि, संसारंमि दुक्खपउराए।

किं नाम होज्ज तं कम्मयं, जेणाहं दोग्गइं न गच्छेज्जा।।

हिन्‍दी अनुवाद

अध्रुव, अशाश्‍वत१ और दु:ख-बहुल संसार में ऐसा कौन-सा कर्म—अनुष्ठान है, जिससे मैं दुर्गति में न जाऊं?

२. विजहित्तु पुव्वसंजोगं, न सिणेहं कहिंचि कुव्वेज्जा।

असिणेह सिणेहकरेहिं, दोसपओसेहिं मुच्चए भिक्खू।।

पूर्व संबन्धों का२ त्याग कर, किसी के साथ स्‍नेह न करे। स्‍नेह करने वालों के साथ भी स्‍नेह न करने वाला भिक्षु दोषों और प्रदोषों से३ मुक्त हो जाता है।

३. तो नाणदंसणसमग्गो, हियनिस्सेसाए सव्वजीवाणं।

तेसिं विमोक्खणट्ठाए, भासई मुणिवरो विगयमोहो।।

केवल ज्ञान और दर्शन से परिपूर्ण तथा विगतमोह मुनिवर ने सब जीवों के हित और कल्याण के लिए४ तथा उन (पांच सौ चोरों) की मुक्ति के लिए५ कहा।

४. सव्वं गंथं कलहं च, विप्पजहे तहाविहं भिक्खू।

सव्वेसु कामजाएसु, पासमाणो न लिप्पई ताई।।

भिक्षु कर्मबन्ध की हेतुभूत सभी ग्रन्थियों और कलह का६ त्याग करे। कामभोगों के सब प्रकारों में दोष देखता हुआ वीतराग तुल्य मुनि७ उसमें लिप्त न बने।

५. भोगामिसदोसविसण्णे, हियनिस्सेयसबुद्धिवोच्चत्थे।

बाले य मंदिए मूढे, बज्झई मच्छिया व खेलंमि।।

आत्मा को दूषित करने वाले भोगामिष—(आसक्ति-जनक भोग) में८ निमग्‍न, हित और नि:श्रेयस्—मोक्ष में विपरीत९ बुद्धि वाला, अज्ञानी, मन्द और मूढ१० जीव उसी तरह (कर्मों से) बन्ध जाता है जैसे श्‍लेष्म११ सें मक्खी।

६. दुपरिच्चया इमे कामा, नो सुजहा अधीरपुरिसेहिं।

अह संति सुव्वया साहू, जे तरंति अतरं वणिया व।।

ये काम-भोग दुस्त्यज हैं। अधीर पुरुषों द्वारा१२ ये सुत्यज नहीं हैं। जो सुव्रती साधु हैं, वे दुस्तर काम-भोगों को उसी प्रकार तर जाते हैं जैसे वणिक् समुद्र को।१३

७. समणा मु एगे वयमाणा, पाणवहं मिया अयाणंता।

मंदा निरयं गच्छंति, बाला पावियाहिं दिट्ठीहिं।।

कुछ पशु की भांति अज्ञानी पुरुष 'हम श्रमण हैं' ऐसा कहते हुए भी प्राण-वध को नहीं जानते। वे मन्द और बाल-पुरुष अपनी पापमयी दृष्टियों से१४ नरक में जाते हैं।

८. न हु पाणवहं अणुजाणे, मुच्चेज्ज कयाइ सव्वदुक्खाणं।

एवारिएहिं अक्खायं, जेहिं इमो साहुधम्मो पण्णत्तो।।

प्राण-वध का अनुमोदन करने वाला पुरुष कभी भी सर्वदु:खों से मुक्त नहीं हो सकता। उन आर्यों—तीर्थङ्करों ने१५ ऐसा कहा है, जिन्होंने इस साधु-धर्म (महाव्रत) की प्रज्ञापना की।

९. पाणे य नाइवाएज्जा, से समिए त्ति वुच्चई ताई।

तओ से पावयं कम्मं, निज्जाइ उदगं व थलाओ।।

जो जीवों की हिंसा नहीं करता वैसे मुनि को 'समित' (सम्यक् प्रवृत्त)१६ कहा जाता है। उससे पाप-कर्म वैसे ही दूर हो जाते हैं,१७ जैसे उन्नत प्रदेश से पानी।

१०. जगनिस्सिएहिं भूएहिं, तसनामेहिं थावरेहिं च।

नो तेसिमारभे दंडं, मणसा वयसा कायसा चेव।।

जगत् के आश्रित जो त्रस और स्थावर प्राणी हैं, उनके प्रति मन, वचन और काया—किसी भी प्रकार से दण्ड का प्रयोग न करे।१८

११. सुद्धेसणाओ नच्चाणं, तत्थ ठवेज्ज भिक्खू अप्पाणं।

जायाए घासमेसेज्जा, रसगिद्धे न सिया भिक्खाए।।

भिक्षु शुद्ध एषणाओं को जानकर उनमें अपनी आत्मा को स्थापित करे। यात्रा (संयम-निर्वाह) के लिए भोजन की एषणा करे।१९ भिक्षा-जीवी रसों में गृद्ध न हो।

१२. पंताणि चेव सेवेज्जा, सीयपिंडं पुराणकुम्मासं।

अदु वुक्कसं पुलागं वा, जवणट्ठाए निसेवए मंथुं।।

भिक्षु इन्द्रिय संयम के लिए प्रान्त (नीरस) अन्न-पान, शीत-पिण्ड, पुराने उड़द, बुक्कस (सारहीन), पुलाक (रूखा) या मंथु (वैर या सत्तू का चूर्ण) का सेवन करे।२०

१३. जे लक्खणं च सुविणं च, अंगविज्जं च जे पउंजंति।

न हु ते समणा वुच्चंति, एवं आयरिएहिं अक्खायं।।

जो लक्षण-शास्त्र, स्वप्‍न-शास्त्र और अङ्गविद्या का प्रयोग करते हैं, उन्हें साधु नहीं कहा जाता—ऐसा आचार्यों ने कहा है।२१

१४. इह जीवियं अणियमेत्ता, पब्भट्ठा समाहिजोएहिं।

ते कामभोगरसगिद्धा, उववज्जंति आसुरे काए।।

जो इस जन्म में जीवन को अनियंत्रित रखकर२२ समाधि-योग से२३ परिभ्रष्ट होते हैं, वे कामभोग और रसों से आसक्त२४ बने हुए पुरुष असुर-काय में२५ उत्पन्न होते हैं।

१५. तत्तो वि य उवट्टित्ता, संसारं बहुं अणुपरियडंति।

बहुकम्मलेवलित्ताणं, बोही होइ सुदुल्लहा तेसिं।।

वहां से निकल कर भी वे संसार में बहुत२६ पर्यटन करते हैं। वे प्रचुर कर्मों के लेप से लिप्त होते हैं। इसलिए उन्हें बोधि२७ प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है।

१६. कसिणं पि जो इमं लोयं, पडिपुण्णं दलेज्ज इक्कस्स।

तेणावि से न संतुस्से, इइ दुप्पूरए इमे आया।।

धन-धान्य से परिपूर्ण यह समूचा लोक भी यदि कोई किसी को दे दे—उससे भी वह संतुष्ट नहीं होता—तृप्त नहीं होता, इतना दुष्पूर है यह आत्मा।२८

१७. जहा लाहो तहा लोहो, लाहा लोहो पवड्ढई।

दोमासकयं कज्जं, कोडीए वि न निट्ठियं।।

जैसे लाभ होता है वैसे ही लोभ होता है। लाभ से लोभ बढ़ता है।२९ दो माशे सोने से पूरा होने वाला कार्य करोड़ से भी पूरा नहीं हुआ।

१८. नो रक्खसीसु गिज्झेज्जा, गंडवच्छासुऽणेगचित्तासु।

जाओ पुरिसं पलोभित्ता, खेल्लंति जहा व दासेहिं।।

वक्ष में ग्रन्थि३० (स्तनों) वाली, अनेक चित्त वाली३१ तथा राक्षसी की भांति भयावह स्त्रियों में३२ आसक्त न हो, जो पुरुष को प्रलोभन में डालकर उसे दास की भांति नचाती हैं।३३

१९. नारीसु नो पगिज्झेज्जा, इत्थी विप्पजहे अणगारे।

धम्मं च पेसलं नच्चा, तत्थ ठवेज्ज भिक्खू अप्पाणं।।

स्त्रियों को त्यागने वाला अनगार उनमें गृद्ध न बने। भिक्षु धर्म को अति मनोज्ञ३४ जानकर उसमें अपनी आत्मा को स्थापित करे।३५

२०. इइ एस धम्मे अक्खाए, कविलेणं च विसुद्धपण्णेणं।

तरिहिंति जे उ काहिंति, तेहिं आराहिया दुवे लोग।।

इस प्रकार विशुद्ध प्रज्ञा वाले कपिल ने यह धर्म कहा। जो इसका आचरण करेंगे वे तरेंगे और उन्होंने दोनों लोकों को आराध लिया।३६

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ८ : कापिलीय

१. अध्रुव अशाश्‍वत (अधुवे असासयंमि)

आचारांग वृत्ति में अध्रुव के दो अर्थ प्राप्त हैं—अनित्य और चल। अनित्य वह होता है जिसका नाश अवश्यंभावी है। चल वह होता है जो चलमान—गतिशील होता है।

शान्त्याचार्य ने एक ही स्थान से प्रतिबद्ध वस्तु को ध्रुव माना है। संसार अध्रुव है क्योंकि उसमें प्राणी उच्च-अवच आदि स्थानों में भ्रमण करते रहते हैं। वे एक स्थान से प्रतिबद्ध नहीं होते।

शाश्‍वत का अर्थ है—सदा होने वाला। जो सदा नहीं होता वह अशाश्‍वत है। संसार में कुछ भी शाश्‍वत नहीं है। राज्य, धन, धान्य, परिवार आदि अशाश्‍वत हैं। हारिलवाचक ने कहा है—

चलं राज्यैश्‍वर्यं धनकनकसार: परिजनो,

नृपाद्वाल्लभ्यं च चलममरसौख्यं च विपुलम्।

चलं रूपाऽरोग्यं चलमिह चरं जीवितमिदं,

जनो दृष्टो यो वै जनयति सुखं सोऽपि हि चल:।।

अध्रुव और अशाश्‍वत—ये दोनों शब्द एकार्थवाची भी हैं। इसमें पुनरुक्त दोष नहीं है। चूर्णिकार ने पुनरुक्त न होने के सामान्यत: पांच कारण बतलाए हैं—(१) भक्तिवाद (२) शब्द पर विशेष बल देने के लिए (३) कृपा में (४) उपदेश में (५) भय प्रदर्शित करने के लिए।

प्रस्तुत प्रसंग में चूर्णिकार ने पुनरुक्त न होने के ये दो कारण दिए हैं—उपदेश और भय-दर्शन तथा वृत्तिकार ने ये दो कारण दिए हैं—उपदेश में और किसी शब्द पर विशेष बल देते समय।

२. पूर्व संबंधों का (पुव्वसंजोगं)

संसार पहले होता है और मोक्ष पीछे। असंयम पहले होता है और संयम पीछे। ज्ञातिजन पहले होते हैं, उनका त्याग पीछे किया जाता है—इन भावनाओं के आधार पर चूर्णिकार ने पूर्व-संयोग का अर्थ—संसार का सम्बन्ध, असंयम का सम्बन्ध और ज्ञाति का सम्बन्ध किया है। शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने पूर्व-संयोग का अर्थ—पूर्व-परिचितों का संयोग अर्थात् माता-पिता आदि तथा धन आदि का सम्बन्ध किया है।

३. दोषों और प्रदोषों से (दोसपओसेहिं)

यहां दो शब्द हैं—दोष और प्रदोष। दोष का अर्थ है—मानसिक संताप आदि। प्रदोष का अर्थ है—नरकगति आदि।

४. हित और कल्याण के लिए (हियनिस्सेसाए)

हित का अर्थ है—निरुपम सुख का हेतुभूत, आत्मा के लिए स्वास्थ्यकर। नि:श्रेयस् का अर्थ है—मोक्ष अथवा कल्याण। चूर्णि में नि:श्रेयस् का अर्थ इहलोक, परलोक में निश्‍चित श्रेय अथवा अक्षय श्रेय किया है।

प्राकृत व्याकरण के अनुसार 'निस्सेस' का अर्थ नि:शेष अथवा समस्त, संपूर्ण भी हो सकता है। इस संदर्भ में नि:शेषहित का अर्थ—संपूर्ण हित है।

५. (पांच सौ चोरों) उनकी मुक्ति के लिए (तेसिं विमोक्खणट्ठाए)

कपिल ने पूर्व-भव में इन सभी पांच सौ चोरों के साथ संयम का पालन किया था और उन सबके द्वारा यह संकेत दिया हुआ था कि समय आने पर हमें सम्बोधि देना। उसकी पूर्ति के लिए कपिल मुनि उन्हें संबुद्ध कर रहे हैं—उनकी मुक्ति के लिए प्रवचन कर रहे हैं।

६. कलह का (कलहं)

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ 'क्रोध' और चूर्णिकार ने 'भण्डन' किया है। भण्डन का अर्थ है—वाक्-कलह, गाली देना और क्रोध।

डॉ० हरमन जेकोबी ने इसका अर्थ 'तिरस्कार'—घृणा किया है। मोनियर विलियम्स ने इसके मुख्यत: तीन अर्थ किए हैं—झगड़ा, झूठ या धोखा, गाली-गलौज।

कलह क्रोधपूर्वक होता है। अत: कारण में कार्य का उपचार कर 'कलह' को क्रोध कहा गया है।

७. वीतरागतुल्य मुनि (ताई)

व्याख्याकारों ने इसके संस्कृत रूप दो दिए हैं—तायी और त्रायी। जार्ल सरपेन्टियर टीकाकारों द्वारा किए गए इस अर्थ को ठीक नहीं मानते। उनका अभिमत है कि ताई को तादि—तादृक् के समान मानना चाहिए। तब इसका अर्थ होगा—उस जैसा वैसा। वे कहते हैं कि कालान्तर में इस शब्द के अर्थ का उत्कर्ष हुआ और इसका अर्थ—उस जैसा अर्थात् बुद्ध जैसा—यह हुआ। तदनन्तर इसका अर्थ—पवित्र संत व्यक्ति आदि हुआ। इस आशय का आधार प्रस्तुत करते हुए वे चाइल्डर्स S.V. और दीर्घनिकाय पृ० ८८ पर फ्रेंक का नोट देखने का अनुरोध करते हैं।६ सरपेन्टियर का यह अभिमत संगत लगता है। हमने इसी आधार पर इसका संस्कृत रूप तादृक् दिया है। विशुद्धिमार्ग पृ० १८० में तादिन शब्द का प्रयोग एक जैसे रहने वाले के अर्थ में हुआ है—

यस्मा नत्थि रहो नाम, पापकम्मेसु तादिनो।

रहाभावेन तेनेस, अरहं इति विस्सुतो।।

८. भोगामिष-आसक्ति-जनक भोग में (भोगामिस)

वर्तमान में आमिष का सीधा अर्थ 'मांस' किया जाता है। प्राचीन काल में इसका प्रयोग अनेक अर्थों में होता था। इसी आगम के चौदहवें अध्ययन में इसका छह बार प्रयोग हुआ है। अनेकार्थ कोष में आमिष के—फल, सुन्दर आकृति, रूप, सम्भोग, लोभ और लंचा—इतने अर्थ मिलते हैं। उत्तराध्ययन १४।४६ में यह मांस के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है। पंचासक प्रकरण में यह आहार या फल आदि के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है। आसक्ति के हेतुभूत जो पदार्थ होते हैं उन सबके अर्थ में इसका प्रयोग किया जाता था। बौद्ध साहित्य में भोजन व विषय-भोग—इन अर्थों में भी 'आमिष' शब्द प्रयुक्त हुआ है।

''भन्ते! आमिष (भोजन आदि) के (विषय में) कैसे करना चाहिए?''

''सारिपुत्र! आमिष सबको समान बांटना चाहिए।''

''भिक्षुओ! ये दो दान हैं—आमिष-दान और धर्म-दान। इन दो दानों में जो धर्म-दान है, वह श्रेष्ठ है।'' इस प्रकार आमिष-संविभाग (अनुग्रह) और आमिष-योग (पूजा) के प्रयोग मिलते हैं। भोग-सन्निधि के अर्थ में आमिष-सन्निधि का प्रयोग किया गया है। अभिधानप्पदीपिका के श्‍लोक २८० में आमिष को मांस का तथा श्‍लोक ११०४ में उसे अन्नाहार का पर्यायवाची माना है।

भोग अत्यन्त आसक्ति के हेतु हैं, इसलिए यहां उन्हें आमिष कहा गया है।

चूर्णिकार के अनुसार जो वस्तु सामान्य रूप से बहुत लोगों द्वारा अभिलषणीय होती है, उसे आमिष कहा जाता है। भोग बहुत लोगों के द्वारा काम्य हैं, इसलिए उन्हें आमिष कहा है। भोगामिष अर्थात् आसक्ति-जनक भोग अथवा बहुजन अभिलषणीय भोग। देखिए १४।४१ का टिप्पण।

शान्त्याचार्य ने इस भावना के समर्थन में दशवैकालिक की प्रथम चूलिका के दो श्‍लोक उद्धृत किए हैं—

१. जया य कुकुडंबस्स......।

२. पुत्तदारपरिकिण्णो........। (चूलिका १।७,८)

९. विपरीत (वोच्चत्थे)

चूर्णि में 'वोच्चत्थ' का अर्थ विपरीत और बृहद्वृत्ति में विपर्ययवान् या विपर्यस्त किया गया है। बुद्धि का विशेषण माना है वहां विपरीत या विपर्यस्त और बाल का विशेषण माना है वहां विपर्ययवान् किया गया है। इसका संस्कृत रूप व्यत्यस्त होना चाहिए। डॉ० पिसेल ने इसका मूल उच्चस्थ माना है। देशीनाममाला में इसका अर्थ 'विपरीत मैथुन-क्रिया' किया गया है। सम्भव है उस समय यह शब्द इसी अर्थ में प्रयुक्त रहा हो और बाद में इस अर्थ के एकांश को लेकर इसका अर्थ 'विपरीत' रूढ़ बन गया हो। इसका मूल उच्चस्थ की अपेक्षा व्यत्यस्त में ढूंढना अधिक उपयुक्त है। भाषाशास्त्र की दृष्टि से यह वोच्चत्थ के अधिक निकट है।

१०. मन्द या मूढ (मंदिए मूढे)

चूर्णि में मंद का अर्थ है—स्थूलबुद्धि वाला। चूर्णिकार ने महाराष्ट्र में मंद के प्रचलित अर्थ का भी उल्लेख किया है। वहां उपचित—स्थूल शरीर वाले को भी 'मंद' कहते हैं और अपचित—कृश शरीर वाले को भी 'मंद' कहते हैं।

मूढ शब्द के दो अर्थ हैं—कार्य और अकार्य के विवेक से विकल अथवा श्रोत्रेन्द्रिय के विषय में आसक्त।

वैकल्पिक रूप से बाल, मंद और मूढ—इन तीनों शब्दों को एकार्थक भी माना है।

शान्त्याचार्य के अनुसार मंद वह है जो धर्म-कार्य में अनुद्यत है और मूढ वह है जो मोह से आकुल है।

११. श्‍लेष्म में (खेलंमि)

चूर्णि में खेल का अर्थ 'चिक्कन' किया है। बृहद्वृत्ति में खेल का अर्थ 'श्‍लेष्म' किया है। किन्तु श्‍लेष्म इसकी संस्कृत छाया नहीं है।

जार्ल सरपेन्टियर ने इसका संस्कृत रूप—'क्ष्वेट'—'क्ष्वेद' दिया है। 'क्ष्वेड' का भी एक अर्थ चिकनाई—श्‍लेष्म होता है। राजवार्तिक में इसका संस्कृत रूप 'क्ष्वेल' मिलता है। यही सर्वाधिक उपयुक्त है।

१२. अधीर पुरुषों द्वारा (अधीर पुरिसेहिं)

धीर का प्रतिपक्ष है—अधीर। देखें—७।२८, २९ का टिप्पण।

१३. समुद्र को (अतरं)

चूर्णि में 'अतर' का अर्थ समुद्र है। वृत्ति में इसका व्युत्पत्तिलभ्य अर्थ है—जिसे तैरना अशक्य हो।

तात्पर्यार्थ में इसके तीन अर्थ हैं—(१) विषयगण (२) भव या संसार तथा (३) समुद्र।

वृत्तिकार ने एक सुन्दर श्‍लोक उद्धृत कर प्रस्तुत श्‍लोक का प्रतिपाद्य स्पष्ट किया है—

विषयगण: कापुरुषं करोति वशवर्तिनं न सत्पुरुषम्।

बध्‍नाति मशकं एव हि लूतातन्तुर्न मातंगम्।।

इन्द्रियों के विषय दुर्बल व्यक्ति को ही अपने वश में कर सकते हैं। सत्पुरुष—सबल व्यक्तियों पर उनका कोई प्रभाव नहीं होता। मकड़ी का तन्तु मच्छर को बांध सकता है, पर हाथी को नहीं बांध सकता।

१४. पापमयी दृष्टियों से (पावियाहिं दिट्ठीहिं)

शान्त्याचार्य ने इसके दो संस्कृत रूप दिए हैं—प्रापिकाभिर्दृष्टिभि: और पापिकाभिर्दृष्टिभि:। प्रथम का अर्थ है—'नरक को प्राप्त करने वाली दृष्टि।' दूसरे का अर्थ है—'पापमयी, परस्पर विरोधी आदि दोषों से दूषित दृष्टि' अथवा पाप-हेतुक दृष्टि। वास्तविक अर्थ यही है। पापिकादृष्टि के आशय को स्पष्ट करते हुए उद्धरण प्रस्तुत किए गए हैं। जैसे—

''न हिंस्यात् सर्वभूतानि।''

''श्‍वेतं छागमालभेत वायव्यां दिशि भूतिकाम:।''

''ब्रह्मणे ब्राह्मणमालभेत, इन्द्राय क्षत्रियं,

मरुद्भ्यो र्वैश्यं, तपसे शूद्रम्।''

तथा च—

''यस्य बुद्धि र्न लिप्यते, हत्वा सर्वमिदं जगत्।

आकाशमिव पंकेन, न स पापेन लिप्यते।।''

अर्थात् एक ओर वे कहते हैं—'सब जीवों की हिंसा नहीं करना चाहिए।' दूसरी ओर वे कहते हैं—ऐश्‍वर्य चाहने वाले पुरुष को वायव्यकोण में श्‍वेत बकरे की, ब्रह्म के लिए ब्राह्मण की, इन्द्र के लिए क्षत्रिय की, मरुत् के लिए वैश्य की और तप के लिए शूद्र की बलि कर देनी चाहिए। यह परस्पर विरोधी दृष्टिकोण है।

जैसे आकाश पंक से लिप्त नहीं होता, उसी प्रकार सारे संसार की हत्या करके भी जिसकी बुद्धि लिप्त नहीं होती, वह पाप से लिप्त नहीं होता। यह पाप-हेतुक दृष्टिकोण है।

१५. उन आर्यों-तीर्थंकरों ने (आरिएहिं)

यहां आर्य शब्द तीर्थंकर के लिए प्रयुक्त है। 'जिन्होंने साधु-धर्म का प्रज्ञापन किया'—इस निगमात्मक वाक्यांश से 'आर्य' शब्द का प्रयोग तीर्थंकर के लिए भी अभिप्रेत है।

१६. समित (सम्यक् प्रवृत्त) (समिए)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—शमित, शांत—किया है। वृत्तिकार ने पांच समितियों से युक्त को 'समित' (जागरूकतापूर्वक प्रवृत्ति करने वाला) बतलाया है।

१७. दूर हो जाते हैं (निज्जाइ)

चूर्णि में इसका अर्थ—अधो गच्छति—नीचे जाता है किया है। वृत्ति में इसका मूल अर्थ है—निकल जाना। वृत्तिकार ने पाठान्तर के रूप में देशी शब्द 'णिण्णाइं' को प्रस्तुत कर उसका अर्थ—अधो गच्छति—नीचे जाता है—किया है।

१८. (श्‍लोक १०)

चूर्णिकार ने प्रस्तुत श्‍लोक में प्रयुक्त 'हिंकार' के विषय की चर्चा की है—हिंकार का प्रयोग सन्निधान और कारण—इन दो अर्थों में होता है। कारण के अर्थ में 'हिंकार' का प्रयोग बहुवचन में ही होता है, जैसे—तेहिं कयं। सन्निधान के अर्थ में 'हिंकार' का प्रयोग एकवचन में ही होगा, जैसे—कहिं गतो आसि? कहिं च ते सद्धा?

इस श्‍लोक में प्राणातिपातविरमण का स्पष्ट निर्देश है। मुनि मनसा, वाचा, कर्मणा किसी भी प्राणी के प्रति हिंसा का प्रयोग न करे, फिर चाहे स्वयं को कितनी ही ताड़ना सहन करनी क्यों न पड़े।

उज्जयिनी नगरी में एक श्रावक था। उसका पुत्र पूर्णरूपेण संस्कारी था। एक बार चोरों ने उसका अपहरण कर मालव प्रदेश ले गए और वहां एक सूपकार के हाथों बेच डाला। सूपकार ने एक दिन उसे कहा—'बेटे! तुम जंगल में जाओ और बटेरों को मार कर लाओ। मैं भोजन के लिए उन्हें पकाऊंगा।' वह बोला—'मैं एक श्रावक का पुत्र हूं। मैंने अहिंसा को समझा है। मैं ऐसा काम कभी नहीं कर सकता।' सूपकार ने कहा—'अब तुम मेरे द्वारा खरीद लिए गए हो। मेरी आज्ञा का पालन करना ही होगा।' लड़के ने आज्ञा मानने से इनकार कर दिया तब सूपकार बोला—'मेरी आज्ञा न मानने के भयंकर परिणाम भोगने होंगे। मैं तुम्हें हाथी के पैर तले कुचलवा दूंगा। मैं तुम्हारे सिर पर गीला चमड़ा बांधकर मार डालूंगा।' बालक ने कहा—'कुछ भी क्यों न हो, मैं प्राणवध का यह कार्य नहीं कर सकता।' सूपकार ने तब उसे हाथी के पैरों तले कुचलवा कर मार डाला।

अहिंसा के क्षेत्र में सत्याग्रह की यह महत्त्वपूर्ण घटना है।

१९. यात्रा (संयम-निर्वाह) के लिए भोजन की एषणा करे (जायाए घासमेसेज्जा)

संयम-जीवन की यात्रा के लिए भोजन की गवेषणा करे—इस प्रसंग में शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

जह सगडक्खोवंगो कीरइ भरवहणकारणा णवरं।

तह गुणभरवहणत्थं आहारो बंभयारीणं।।

—जैसे गाड़ी के पहिए की धुरी को भार-वहन की दृष्टि से चुपड़ा जाता है, वैसे ही गुणभार के वहन की दृष्टि से ब्रह्मचारी आहार करे, शरीर को पोषण दे।

प्रस्तुत श्‍लोक में 'जायाए घासमेसेज्जा' से एषणाशुद्धि का और 'रसगिद्धे न सिया भिक्खाए' से परिभोगैषणाशुद्धि का विवेक दिया गया है।

इसी आगम में छह कारणों से आहार करने और छह कारणों से आहार न करने का उल्लेख है।

२०. (श्‍लोक १२)

पंताणि चेव सेवेज्जा—इसकी व्याख्या दो प्रकार से होती है—'प्रान्तानि च सेवेतैव' और 'प्रान्तानि चैव सेवेत।' गच्छवासी मुनि के लिए यह विधि है कि वह प्रान्त-भोजन मिले तो उसे खाए ही, किन्तु उसे फेंके नहीं। गच्छनिर्गत (जिनकल्पी) मुनि के लिए यह विधि है कि वह प्रान्त-भोजन ही करे। प्रान्त का अर्थ है—नीरस-भोजन। शीतपिण्ड (ठण्डा आहार) आदि उसके उदाहरण हैं।

जवणट्ठाए—शान्त्याचार्य ने 'जवण' का अर्थ—यापन—किया है। गच्छवासी की अपेक्षा से 'जवणट्ठाए' का अर्थ होगा—यदि प्रान्त-आहार से जीवन-यापन होता है तो खाए, वायु बढ़ने से जीवन-यापन न होता हो तो न खाए। गच्छनिर्गत की अपेक्षा से इसका अर्थ होगा—जीवन-यापन के लिए प्रान्त-आहार करे।

'जवण' का संस्कृत रूप 'यमन' होना चाहिए। प्राकृत में 'मकार' को 'वकार' आदेश भी होता है, जैसे—श्रमण के दो रूप बनते हैं—समणो, सवणो। प्रकरण की दृष्टि से यमन शब्द अधिक उपयुक्त लगता है। इन्द्रियों का यमन अथवा संयम करने के लिए प्रान्त भोजन का सेवन उपयुक्त है। जीवन-यापन के लिए इस भोजन की उपयुक्तता नहीं है।

कुम्मासं—शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ 'राजमाष'—बड़े उड़द किया है। मोनियर मोनियरविलियम्स ने इसका अर्थ 'तरल और खट्टा पेय-भोजन, जो फलों के रस से अथवा उबले हुए चावलों से बनाया जाता है' किया है।

अभिधानप्पदीपिका में कुल्माष व्यंजन को 'सूप' कहा है। विशुद्धि-मार्ग में इसी अर्थ को मान्य कर 'कुल्माष' का अर्थ 'दाल' किया है।

सिंहलसन्नय (व्याख्या) में 'कुल्माष' शब्द का अर्थ—'कोमु' अर्थात् पिट्ठा लिखा गया है। 'कुल्माष' के अनेक अर्थ हैं—कुलथी (उड़द की जाति का एक मोटा अन्न), मूंग आदि द्विदल, कांजी। उस समय ओदन, कुल्माष, सत्तू आदि प्रचलित थे। 'कुल्माष' दरिद्र लोगों का भोजन था। वह उड़द आदि द्विदल में थोड़ा जल, गुड़ या नमक और चिकनाई डालकर बनाया जाता था। देखें—दसवेआलियं, ५।१।९८ का टिप्पण।

वुक्कसं—चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—तीमन अथवा सुरा के लिए पसाए हुए आटे का शेष भाग।

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ—मूंग, उड़द आदि की कणियों से निष्पन्न अन्न अथवा जिसका रस निकाल लिया गया हो, वैसा अन्न किया है।

पुलागं—चूर्णिकार ने 'पुलाक' के दो अर्थ किए हैं—

१. वल्ल, चना आदि रूखे अनाज।

२. जो स्वभाव से नष्ट हो गया हो (जिसका बीज भाग नष्ट हो गया हो) वह अनाज।

शान्त्याचार्य ने असार वल्ल, चना आदि को 'पुलाक' कहा है।

महाभारत में भी 'पुलाक' शब्द का प्रयोग मिलता है। उसका अर्थ किया गया है—दाना जो भूमि के अन्दर की गर्मी से सूख जाता है।

मंथु—इसका अर्थ है—बैर का चूर्ण, सत्तू का चूर्ण। यह बहुत रूखा होता है, इसलिये इसे प्रान्त-भोजन कहा है। देखें—दसवेआलियं, ५।१।९८ का टिप्पण।

२१. (श्‍लोक १३)

इस श्‍लोक में कहा गया है कि जो मुनि लक्षण-विद्या, स्वप्‍न-विद्या और अंग-विद्या का प्रयोग करते हैं, वे सही अर्थ में मुनि नहीं हैं।

नेमिचन्द्र ने इन तीनों के विषय में प्राचीन श्‍लोक और प्राकृत गाथाएं उद्धृत की हैं। उन्होंने लक्षणशास्त्र से सम्बद्ध अठारह श्‍लोक, स्वप्‍नशास्त्र की तेरह गाथाएं और अंगविद्या से संबद्ध सात गाथाएं दी हैं। उनकी तुलना डॉ० जे० व्ही० जेडोलियम द्वारा सम्पादित जगदेव की स्वप्‍न-चिंतामणि से की जा सकती है। जार्ल सरपेन्टियर ने इसकी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की है। शान्त्याचार्य ने इसका विस्तृत वर्णन नहीं किया है, केवल एक-दो श्‍लोक उद्धृत किए हैं।

बौद्ध-ग्रन्थों में अंग-निमित्त, उत्पाद, स्वप्‍न, लक्षण आदि विद्याओं को 'तिर्यक्-विद्या' कहा है। इनसे आजीविका करने को मिथ्या-आजीविका कहा है। जो इनसे परे रहता है वही 'आजीव-परिशुद्धिशील' होता है।

लक्खणं—शरीर के लक्षणों, चिन्हों को देखकर शुभ-अशुभ फल कहने वाले शास्त्र को 'लक्षण-शास्त्र' या 'सामुद्रिक-शास्त्र' कहते हैं। कहा भी है—'सर्वं सत्त्वे प्रतिष्ठितम्'—सभी (शुभाशुभ फल देने के लक्षण) जीवों में विद्यमान हैं। जैसे—

अस्थिष्वर्था: सुखं मांसे, त्वचि भोगा: स्त्रियोऽक्षिषु।

गतौ यानं स्वरे चाज्ञा, सर्वं सत्त्वे प्रतीष्ठितम्।।

अर्थात् अस्थि में धन, मांस में सुख, त्वचा में भोग, आंखों में स्त्रियां, गति में वाहन और स्वर में आज्ञा—इस प्रकार पुरुष में सब कुछ प्रतिष्ठित है।

यह शब्द इसी आगम के १५।७, २०।४५ में भी आया है।

सुविणं—स्वप्‍न शब्द यहां 'स्वप्‍न-शास्त्र' का वाचक है। स्वप्‍न के शुभाशुभ फल की सूचना देने वाले शास्त्र को 'स्वप्‍न-शास्त्र' कहा जाता है।

अंगविज्जं—शरीर के अवयवों के स्फुरण से शुभाशुभ बताने वाले शास्त्र को 'अंग-विद्या' कहा जाता है।

चूर्णिकार ने अंग-विद्या का अर्थ 'आरोग्य-शास्त्र' किया है। किन्तु प्रकरण की दृष्टि से अंग-विचार अधिक संगत लगता है।

शान्त्याचार्य ने 'अंगविज्जा' के तीन अर्थ किए हैं—

१. शरीर के अवयवों के स्फुरण से शुभ-अशुभ बताने वाला शास्त्र।

२. प्रणव, मायाबीज आदि वर्ण-विन्यास युक्त विद्या।

३. अंग अर्थात् अंगविद्या५ में वर्णित भौम, अन्तरिक्ष आदि, उनके शुभ-अशुभ को बताने वाली विद्या, विद्यानुप्रवाद में प्रसिद्ध विद्याएं, जैसे—हलि! हलि! मातङ्गिनी स्वाहा।

२२. अनियंत्रित रखकर (अणियमेत्ता)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ मन और इन्द्रियों का अनियमन किया है।

'जीवियं अणियमेत्ता'—का 'जीविकां अनियम्य' भी हो सकता है। इसका अर्थ होगा—जीविका का अनियमन कर।

२३. समाधियोग से (समाहिजोएहिं)

समाधि का अर्थ है—एकाग्रता। उससे आत्मा के साथ सम्बन्ध स्थापित किया जा सकता है, इसलिए वह योग है। दशवैकालिक आगम में समाधि के चार प्रकार निर्दिष्ट हैं—१. विनय समाधि, २. श्रुत समाधि, ३. तप: समाधि और ४. आचार समाधि।

वृत्ति में समाधियोग के दो अर्थ प्राप्त हैं—

१. समाधि का अर्थ है—चित्त-स्वास्थ्य और योग का अर्थ है—मन, वचन और काया की शुभ प्रवृत्ति।

२. समाधि का अर्थ है—शुभ चित्त की एकाग्रता और योग का अर्थ है—प्रत्युप्रेक्षण आदि प्रवृत्तियां।

२४. काम, भोग और रसों में आसक्त (कामभोगरसगिद्धा)

विषयासक्त मनुष्यों द्वारा काम्य इष्ट शब्द, रूप, गंध, रस तथा स्पर्श को काम कहते हैं। इसके दो प्रकार हैं—द्रव्यकाम और भावकाम। भावकाम के दो प्रकार हैं—इच्छाकाम और मदनकाम। अभिलाषारूप काम को इच्छाकाम और वेदोपयोग काम को मदनकाम कहते हैं।

इन्द्रियों के विषयों के आसेवन को भोग कहते हैं। भोग काम का उत्तरवर्ती है। पहले कामना होती है, फिर भोग होता है। आगमों में रूप और शब्द को काम तथा स्पर्श, रस और गंध को भोग कहा है।

चूर्णि में रस का अर्थ है—तिक्त, मधुर आदि रस और वृत्ति में उसके दो अर्थ प्राप्त हैं—अत्यन्त आसक्ति अथवा श्रृंगार आदि रस।

वृत्तिकार का कथन है कि रस भोग के अन्तर्गत आते हैं, परन्तु अतिगृद्धि को निदर्शित करने के लिए उनका पृथक् ग्रहण किया है।

देखें—५।५ का टिप्पण

२५. असुरकाय में (आसुरे काए)

चूर्णि में इसके दो अर्थ किए गए हैं—असुर देवों के निकाय में अथवा रौद्र तिर्यक् योनि में। बृहद्वृत्ति में केवल पहला ही अर्थ है।

२६. बहुत (बहु)

चूर्णि और वृत्ति में इसे संसार का विशेषण माना है। चूर्णिकार ने इसका अर्थ चौरासी लाख भेद वाला संसार किया है। वृत्तिकार ने इस अर्थ को वैकल्पिक मानकर मुख्य अर्थ विपुल या विस्तीर्ण किया है। हमने इसे क्रिया-विशेषण माना है।

२७. बोधि (बोही)

बोधि का अर्थ है—सम्यक् दर्शन, सम्यक् ज्ञान और सम्यक् चारित्रात्मक जिन-धर्म की प्राप्ति।

स्थानांग में इसके तीन प्रकार बतलाए गए हैं—ज्ञानबोधि, दर्शनबोधि और चारित्रबोधि।

२८. दुष्पूर है यह आत्मा (दुप्पूरए इमे आया)

एक भिखारी भिक्षा मांगने निकला। वह घर-घर जाकर कहता, मेरा पात्र मोहरों से भर दो। किसी भी व्यक्ति में यह सामर्थ्य नहीं था कि वह उस पात्र को मोहरों से भर दे। यह बात राजा तक पहुंची। राजा ने उसे दरबार में बुलाकर कहा—मैं भरता हूं तेरे पात्र को मोहरों से। राजा ने खजानची को आदेश दिया। खजानची भिखारी के पात्र में मोहरें डालने लगा, पर यह क्या? वह पात्र भर ही नहीं रहा था। राजा को आश्‍चर्य हुआ। उसने भिखारी को पूछा। भिखारी बोला—महाराज! यह सामान्य पात्र नहीं है। यह मनुष्य की खोपड़ी है। यह कभी नहीं भरती। यह दुष्पूरक है।

२९. (श्‍लोक १७)

प्रस्तुत श्‍लोक में 'लाभ से लोभ बढ़ता है' के प्रसंग में कपिल की कथा की ओर संकेत है। पूरे कथानक के लिए देखें—इसी अध्ययन का आमुख पृ० १४५/१४६।

वृत्तिकार ने प्रस्तुत श्‍लोक में प्रयुक्त 'मास' (सं० माष:) शब्द का मान दिया है। उस समय ढाई रत्ती का एक माषा होता था। आज छह या आठ रत्ती का एक माषा माना जाता है।

३०. ग्रन्थि (गंड)

यहां गंड का अर्थ—ग्रन्थि (गांठ) या फोड़ा हो सकता है। स्तन मांस की ग्रंथि५ या फोड़े के समान होते हैं, इसलिए उन्हें गंड कहा गया है।

३१. अनेक चित्तवाली (अणेगचित्तासु)

आचारांग का एक सूक्त है—अणेगचित्ते खलु अयं पुरिसे—पुरुष अनेक चित्तवाला होता है। प्रस्तुत श्‍लोक में स्त्री के लिए 'अणेगचित्ता' का प्रयोग हुआ है।

चूर्णिकार और वृत्तिकार ने स्त्री की अनेकचित्तता के विषय में कुछ श्‍लोक प्रस्तुत किए हैं—

कुर्वन्ति तावत् प्रथमं प्रियाणी, यावन्न जानन्ति नरं प्रसक्तम्।

ज्ञात्वा च तन्मन्मथपाशबद्धं, ग्रस्तामिषं मीनमिवोद्धरंति।।

अथवा—

अन्नं भणंति पुरतो, अन्नं पासेण वज्जमाणीओ।

अन्नं च तासि हियए, न जं खमं तं करेंति महिलाओ।।

(उत्तराध्ययन चूर्णि पृ० १७६)

'अन्यस्यांके ललति विशदं चान्यमालिंग्य शेते,

अन्यं वाचा चपयति हसत्यन्यमन्यं च रौति।

अन्यं वेष्टि स्पृशति कशति प्रोर्णुते वान्यमिष्टं,

नार्यो नृत्यत्तडित इव धिक् चंचलाश्‍चालिकाश्‍च।।'

(बृहद्वृत्ति, पत्र २९७)

हृद्यन्यद् वाक्यन्यत् कार्येप्यन्यत् पुरोऽथ पृष्ठेऽन्यत्।

अन्यत् तव मम चान्यत्, स्त्रीणां सर्वं किमप्यन्यत्।।

(सुखबोधा पत्र १३२)

३२. राक्षसी की भांति भयावह स्त्रियों में (रक्खसीसु)

यहां स्त्री को राक्षसी कहा है। जिस प्रकार राक्षसी समस्त रक्त को पी जाती है और जीवन हर लेती है, वैसे ही स्त्रियां भी मनुष्य के ज्ञान आदि गुणों तथा जीवन और धन का सर्वनाश कर देती हैं। राक्षसी शब्द लाक्षणिक है, अभिधा वाचक नहीं है। यह कामासक्ति या वासना का सूचक है। पुरुष के लिए स्त्री वासना के उद्दीपन का निमित्त बनती है, इस दृष्टि से उसे राक्षसी कहा है। स्त्री के लिए पुरुष वासना के उद्दीपन का निमित्त बनता है, इस दृष्टि से उसे राक्षस कहा जा सकता है।

इसी तथ्य को पुष्ट करने वाला श्‍लोक है—

दर्शनात् हरते चित्तं, स्पर्शनात् हरते बलम्।

मैथुनात् हरते वित्तं, नारी प्रत्यक्षराक्षसी।।

३३. दास की भांति नचाती हैं (खेल्लंति जहा व दासेहिं)

कामवासना के वशवर्ती व्यक्तियों को स्त्रियां दास की भांति आज्ञापित करती हैं। वे कहती हैं—आओ, जाओ, बैठो, यह मत करो, वह मत करो आदि-आदि। इस प्रकार वे उनको नचाती हैं।

सूत्रकृतांग (श्रुतस्कंध १ अध्ययन ४) में इसका विशद वर्णन मिलता है।

३४. अति मनोज्ञ (पेसलं)

चूर्णिकार ने 'प्रियं करोतीति पेशल:'—ऐसी व्युत्पत्ति कर इसका अर्थ प्रिय करने वाला किया है।

वृत्तिकार ने इहलोक और परलोक के लिए हितकारी होने के कारण जो अति मनोज्ञ होता है, उसे पेशल माना है।

३५. (श्‍लोक १९)

मनोवैज्ञानिक मानते हैं—जो व्यक्ति कामवासना की पूर्ति नहीं करता, उसमें चित्त-विक्षेप या पागलपन आ जाता है। इस मान्यता में सापेक्ष सचाई है। इस सचाई का जो दूसरा पहलू है, उसका प्रतिपादन प्रस्तुत श्‍लोक में हुआ है। कामवासना के प्रति आकर्षण हो और उसकी पूर्ति न हो तथा सुख-प्राप्ति का कोई दूसरा विकल्प सामने न हो, उस अवस्था में मनोवैज्ञानिक मान्यता में सचाई हो सकती है।

सूत्रकार का अभिमत है—जो कामवासना के प्रति विराग या अनाकर्षण करना चाहता है वह धर्म के प्रति अनुराग या आकर्षण उत्पन्न करे। जो व्यक्ति धर्म के प्रति अनुरक्त होकर उसमें अपनी आत्मा का नियोजन कर देता है, वह कामवासना पर विजय पा लेता है और विक्षिप्तता की स्थिति से भी बच जाता है। यह 'अनुरागात् विराग:' अथवा प्रतिपक्ष भावना का सिद्धान्त है। यही रूपान्तरण की प्रक्रिया का सूत्र है। जिस वस्तु या प्रवृत्ति से अनुराग हटाना हो, उससे अनुराग को हटाकर दूसरी अन्य वस्तु या प्रवृत्ति पर उसको स्थापित कर दो। उस नई वस्तु या प्रवृत्ति पर अनुराग होने लगेगा और पूर्व अनुराग विराग में बदल जाएगा।

३६. दोनों लोकों को आराध लिया (आराहिया दुवे लोग)

इस विषय में तीन पक्ष प्रचलित हैं—

१. केवल वर्तमान को सुधारना।

२. केवल परलोक को सुधारना।

३. इहलोक और परलोक—दोनों को सुधारना।

प्रस्तुत आगम में तीसरा पक्ष मान्य किया गया है। धर्म का आचरण करने वाले दोनों—इहलोक और परलोक—को सुधारते हैं। वे वर्तमान जीवन को पवित्र बनाते हैं और अगले जीवन को भी पवित्र बना लेते हैं।

♦

नौवां अध्ययन : नमिप्रव्रज्या

09

नौवां अध्ययन : नमि-प्रव्रज्या

आमुख

मुनि वही बनता है जिसे बोधि प्राप्त है। वे तीन प्रकार के होते हैं—स्वयं-बुद्ध, प्रत्येक-बुद्ध और बुद्ध-बोधित (१) जो स्वयं बोधि प्राप्त करते हैं, उन्हें स्वयं-बुद्ध कहा जाता है, (२) जो किसी एक घटना के निमित्त से बोधि प्राप्त करते हैं, उन्हें प्रत्येक-बुद्ध कहा जाता है और (३) जो बोधि-प्राप्त व्यक्तियों के उपदेश से बोधि-लाभ करते हैं, उन्हें बुद्ध-बोधित कहा जाता है।

इस सूत्र में तीनों प्रकार के मुनियों का वर्णन है—(१) स्वयं-बुद्ध कपिल का आठवें अध्ययन में, (२) प्रत्येक-बुद्ध नमि का नौवें अध्ययन में और (३) बुद्ध-बोधित संजय का अठारहवें अध्ययन में।

इस अध्ययन का सम्बन्ध प्रत्येक-बुद्ध मुनि से है। करकण्डु, द्विमुख, नमि और नग्गति—ये चारों समकालीन प्रत्येक-बुद्ध हैं। इन चारों प्रत्येक-बुद्धों के जीव पुष्पोत्तर नाम के विमान से एक साथ च्युत हुए थे। चारों ने एक साथ प्रव्रज्या ली, एक ही समय में प्रत्येक-बुद्ध हुए, एक ही समय में केवली बने और एक ही समय में सिद्ध हुए।

करकण्डु कलिंग का राजा था, द्विमुख पंचाल का, नमि विदेह का और नग्गति गंधार का।

बूढ़ा बैल, इन्द्रध्वज, एक कंकण की नीरवता और मंजरी-विहीन आम्र वृक्ष—ये चारों घटनाएं क्रमश: चारों की बोधि-प्राप्ति की हेतु बनीं।

एक बार चारों प्रत्येक-बुद्ध विहार करते हुए क्षितिप्रतिष्ठित नगर में आए। वहां व्यन्तरदेव का एक मन्दिर था। उसके चार द्वार थे। करकण्डु पूर्व दिशा के द्वार से प्रविष्ट हुआ, द्विमुख दक्षिण द्वार से, नमि पश्‍चिम द्वार से और नग्गति उत्तर द्वार से। व्यन्तरदेव ने यह सोच कर कि मैं साधुओं को पीठ देकर कैसे बैठूं, अपना मुंह चारों ओर कर लिया।

करकण्डु खुजली से पीड़ित था। उसने एक कोमल कण्डूयन लिया और कान को खुजलाया। खुजला लेने के बाद उसने कण्डूयन को एक ओर छिपा लिया। द्विमुख ने यह देख लिया। उसने कहा—''मुने! अपना राज्य, राष्ट्र, पुर, अंत:पुर—आदि सब कुछ छोड़कर आप इस (कण्डूयन) का संचय क्यों करते हैं?'' यह सुनते ही करकण्डु के उत्तर देने से पूर्व ही नमि ने कहा—''मुने! आपके राज्य में आपके अनेक कृत्यकर—आज्ञा पालने वाले थे। उनका कार्य था दण्ड देना और दूसरों का पराभव करना। इस कार्य को छोड़ आप मुनि बने। आज आप दूसरों के दोष क्यों देख रहे हैं?'' यह सुन नग्गति ने कहा—''जो मोक्षार्थी हैं, जो आत्म-मुक्ति के लिए प्रयत्‍न करते हैं, जिन्होंने सब कुछ छोड़ दिया है, वे दूसरों की गर्हा कैसे करेंगे?'' तब करकण्डु ने कहा—''मोक्ष मार्ग में प्रवृत्त साधु और ब्रह्मचारी यदि अहित का निवारण करते हैं तो वह दोष नहीं है। नमि, द्विमुख और नग्गति ने जो कुछ कहा है, वह अहित-निवारण के लिए ही कहा है अत: दोष नहीं है।''

ऋषिभाषित प्रकीर्णक में ४५ प्रत्येक-बुद्ध मुनियों का जीवन निबद्ध है। उनमें से बीस प्रत्येक-बुद्ध अरिष्टनेमि के तीर्थ में, पन्द्रह पार्श्‍वनाथ के तीर्थ में और दस महावीर के तीर्थ में हुए हैं।

(१) अरिष्टनेमि के तीर्थ में होने वाले प्रत्येक-बुद्ध—

१. नारद

२. वज्जियपुत्र

३. असित्त दविल

४. भारद्वाज अंगिरस

५. पुष्पसालपुत्र

६. वल्कलचीरि

७. कुर्मापुत्र

८. केतलीपुत्र

९. महाकाश्यप

१०. तेतलिपुत्र

११. मंखलीपुत्र

१२. याज्ञवल्क्य

१३. मैत्रय भयाली

१४. बाहुक

१५. मधुरायण

१६. सोरियायण

१७. विदु

१८. वर्षण कृष्ण

१९. आरियायण

२०. उत्कलवादी

(२) पार्श्‍वनाथ के तीर्थ में होने वाले प्रत्येक-बुद्ध—

१. गाहावती-पुत्र तरुण

२. दगभाल

३. रामपुत्र

४. हरिगिरि

५. अम्बड

६. मातंग

७. वारत्तक

८. आर्द्रक

९. वर्द्धमान

१०. वायु

११. पार्श्‍व

१२. पिंग

१३. महाशाल-पुत्र अरुण

१४. ऋषिगिरि

१५. उद्दालक

(३) महावीर के तीर्थ में होने वाले प्रत्येक-बुद्ध—

१. वित्त तारायण

२. श्रीगिरि

३. साति-पुत्र बुद्ध

४. संजय

५. द्वीपायन

६. इन्द्रनाग

७. सोम

८. यम

९. वरुण

१०. वैश्रमण

करकण्डु आदि चार प्रत्येक-बुद्धों का उल्लेख इस तालिका में नहीं है।

विदेह राज्य में दो नमि हुए हैं। दोनों अपने-अपने राज्य का त्याग कर अनगार बने। एक तीर्थंकर हुए, दूसरे प्रत्येक-बुद्ध। इस अध्ययन में दूसरे नमि (प्रत्येक-बुद्ध) की प्रव्रज्या का विवरण है। इसलिए इसका नाम नमि-प्रव्रज्या रखा गया है।

पद्मरथ के श्रमण बन जाने पर 'नमि' मिथिला का राजा बना। एक बार वह दाह-ज्वर से आक्रान्त हुआ। छह मास तक घोर वेदना रही। उपचार चला। दाह-ज्वर को शान्त करने के लिए रानियां स्वयं चन्दन घिसतीं। एक बार सभी रानियां चन्दन घिस रही थीं। उनके हाथों में पहिने हुए कंकण बज रहे थे। उनकी आवाज से 'नमि' खिन्न हो उठा। उसने कंकण उतार लेने को कहा। सभी रानियों ने सौभाग्य-चिन्हस्वरूप एक-एक कंकण को छोड़कर शेष सभी उतार दिए।

कुछ देर बाद राजा ने अपने मन्त्री से पूछा—''कंकण का शब्द सुनाई क्यों नहीं दे रहा है?'' मंत्री ने कहा—''स्वामिन्! कंकणों के घर्षण का शब्द आपको अप्रिय लगा था इसलिए सभी रानियों ने एक-एक कंकण रखकर शेष सभी उतार दिए। एक कंकण से घर्षण नहीं होता और घर्षण के बिना शब्द कहां से उठे?''

राजा नमि प्रबुद्ध हो गया। उसने सोचा सुख अकेलेपन में है। जहां द्वन्द्व है—दो हैं—वहां दु:ख है। विरक्त भाव से वह आगे बढ़ा। उसने प्रव्रजित होने का दृढ़ संकल्प किया।

अकस्मात् ही नमि को राज्य छोड़ प्रव्रजित होते देख उसकी परीक्षा के लिए इन्द्र ब्राह्मण का वेश बनाकर आता है, प्रणाम कर नमि को लुभाने के लिए अनेक प्रयास करता है और कर्त्तव्य-बोध देता है। राजा नमि ब्राह्मण को अध्यात्म की गहरी बात बताता है और संसार की असारता का बोध देता है।

इन्द्र ने कहा—''राजन्! हस्तगत रमणीय भोगों को छोड़कर परोक्ष काम-भोगों की वांछा करना क्या उचित कहा जा सकता है?'' (श्‍लोक ५१) राजा ने कहा—''ब्राह्मण! काम त्याज्य हैं, वे शल्य हैं, विष के समान हैं, आशीविष सर्प के तुल्य हैं। काम-भोगों की इच्छा करने वाले उनका सेवन न करते हुए भी दुर्गति को प्राप्त होते हैं (श्‍लोक ५३)।''

'आत्म-विजय ही परम विजय है'—इस तथ्य को स्पष्ट अभिव्यक्ति मिली है। इन्द्र ने कहा—''राजन्! जो कई राजा तुम्हारे सामने नहीं झुकते, पहले उन्हें वश में करो, फिर मुनि बनना (श्‍लोक ३२)।'' नमि ने कहा—''जो मनुष्य दुर्जेय संग्राम में दस लाख योद्धाओं को जीतता है, उसकी अपेक्षा जो व्यक्ति एक आत्मा को जीतता है, यह उसकी परम विजय है। आत्मा के साथ युद्ध करना ही श्रेयस्कर है। दूसरों के साथ युद्ध करने से क्या लाभ? आत्मा को आत्मा के द्वारा जीत कर मनुष्य सुख पाता है। पांच इन्द्रियां तथा क्रोध, मान, माया, लोभ और मन—ये दुर्जेय हैं। एक आत्मा को जीत लेने पर ये सब जीत लिये जाते हैं (श्‍लोक ३४-३६)।''

'संसार में न्याय-अन्याय का विवेक नहीं है'—इसकी स्पष्ट अभिव्यक्ति यहां हुई है। इन्द्र ने कहा—''राजन्! अभी तुम चोरों, लुटेरों, गिरहकटों का निग्रह कर नगर में शान्ति स्थापित करो, फिर मुनि बनना (श्‍लोक २८)।'' नमि ने कहा—''ब्राह्मण! मनुष्यों द्वारा अनेक बार मिथ्या-दण्ड का प्रयोग किया जाता है। अपराध नहीं करने वाले पकड़े जाते हैं और अपराध करने वाले छूट जाते हैं (श्‍लोक ३०)।''

इस प्रकार इस अध्ययन में जीवन के समग्र दृष्टिकोण को उपस्थित किया गया है। दान से संयम श्रेष्ठ है (श्‍लोक ४०), अन्यान्य आश्रमों में संन्यास आश्रम श्रेष्ठ है (श्‍लोक ४४), सन्तोष त्याग में है, भोग में नहीं (श्‍लोक ४८-४९) आदि-आदि भावनाओं का स्फुट निर्देश है। जब इन्द्र ने देखा कि राजा नमि अपने संकल्प पर अडिग है, तब उसने अपना मूल रूप प्रकट किया और उसकी स्तुति कर चला गया।

प्रस्तुत अध्ययन में ब्राह्मण वेषधारी इन्द्र राजा नमि को राज्यधर्म के विविध कर्त्तव्यों की याद दिलाता है और महर्षि नमि उन सारे कर्त्तव्यों के प्रतिपक्ष में आत्मधर्म की बात करते हैं। इस प्रकार इस अध्ययन में राज्यधर्म और आत्मधर्म के अनेक बिन्दु अभिव्यक्त हुए हैं—

राज्यधर्म

• निजि संपत्ति या स्वजनों की रक्षा (श्‍लोक १२)।

• देश-रक्षा के लिए प्राकार आदि का निर्माण (श्‍लोक १८)।

• प्रासाद, वर्धमानगृहों आदि का निर्माण (श्‍लोक २४)।

• अपराधी व्यक्तियों का निग्रह (श्‍लोक २८)।

• राजाओं पर विजय (श्‍लोक ३२)।

• यज्ञ, ब्रह्मभोज आदि से कीर्ति का अर्जन (श्‍लोक ३९)।

• कोशागार का संवर्धन (श्‍लोक ४६)।

आत्मधर्म

• प्रिय-अप्रिय कुछ भी नहीं। मैं अकेला हूं—यही यथार्थ बोध। (श्‍लोक १५-१६)

• सुरक्षा का साधन—संयम। शारीरिक और मानसिक दु:खों से रक्षा ही यथार्थ रक्षा। (श्‍लोक २०-२२)

• शाश्वत स्थान मोक्ष के प्रति जागरूकता। (श्‍लोक २६-२७)

• अपनी दुष्प्रवृत्ति का निग्रह। (श्‍लोक ३०)

• इन्द्रिय-विजय, आत्म-विजय। (श्‍लोक ३४-३६)

• संयम ही श्रेयस्कर। (श्‍लोक ४०)

• संन्यास की श्रेष्ठता। (श्‍लोक ४४)

• संतोष का संवर्धन। लोभ को अलोभ से जीतना। (श्‍लोक ४८-४९)

नवमं अज्झयणं : नमिपव्वज्जा

नौवां अध्ययन : नमि-प्रव्रज्या

मूल

१. चइऊण देवलोगाओ, उववन्नो माणुसंमि लोगंमि।

उवसंतमोहणिज्जो, सरई पोराणियं जाइं।।

हिन्‍दी अनुवाद

नमिराज का जीव देवलोक से च्युत होकर मनुष्य-लोक में उत्पन्न हुआ।१ उसका मोह उपशान्त था२ जिससे उसे पूर्व-जन्म की स्मृति हुई।३

२. जाइं सरित्तु भयवं, सहसंबुद्धो अणुत्तरे धम्मे।

पुत्तं ठवेत्तु रज्जे, अभिणिक्खमई नमी राया।।

भगवान्४ नमिराज पूर्व-जन्म की स्मृति पाकर अनुत्तर धर्म की आराधना के लिए स्वयं-संबुद्ध हुआ५ और राज्य का भार पुत्र के कंधों पर डालकर अभिनिष्क्रमण किया—प्रव्रज्या के लिए चल पड़ा।

३. सो देवलोगसरिसे, अंतेउरवरगओ वरे भोए।

भुंजित्तु नमी राया, बुद्धो भोगे परिच्चयई।।

उस नमिराज ने प्रवर अन्त:पुर में रहकर देवलोक के भोगों के समान प्रधान भोगों का भोग किया और संबुद्ध होने के पश्‍चात् उन भोगों को छोड़ दिया।

४. मिहिलं सपुरजणवयं, बलमोरोहं च परियणं सव्वं।

चिच्चा अभिनिक्खंतो, एगंतमहिट्ठिओ भयवं।।

भगवान् नमिराज ने नगर और जनपद सहित मिथिला नगरी, सेना६, रनिवास और सब परिजनों को छोड़ कर अभिनिष्क्रमण किया और एकान्तवासी या एकत्व अधिष्ठित७ हो गया।

५. कोलाहलगभूयं, आसी मिहिलाए पव्वयंतंमि।

तइया रायरिसिंमि, नमिंमि अभिणिक्खमंतंमि।।

जब राजर्षि नमि८ अभिनिष्क्रमण कर रहा था, प्रव्रजित हो रहा था, उस समय मिथिला में सब जगह कोलाहल जैसा होने लगा।९

६. अब्भुट्ठियं रायरिसिं, पव्वज्जाठाणमुत्तमं।

सक्को माहणरूवेण, इमं वयणमब्बवी।।

उत्तम प्रव्रज्या-स्थान के लिए उद्यत हुए राजर्षि से देवेन्द्र ने ब्राह्मण१० के रूप में आकर इस प्रकार कहा—

७. किण्णु भो! अज्ज मिहिलाए, कोलाहलगसंकुला।

सुव्वंति दारुणा सद्दा, पासाएसु गिहेसु य?।।

हे राजर्षि! आज मिथिला के प्रासादों और गृहों में११ कोलाहल से परिपूर्ण दारुण१२ शब्द क्यों सुनाई दे रहे हैं?

८. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुन कर हेतु और कारण से१३ प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

९. मिहिलाए चेइए वच्छे, सीयच्छाए मणोरमे।

पत्तपुप्फफलोवेए, बहूणं बहुगुणे सया।।

मिथिला में एक चैत्य-वृक्ष१४ था, शीतल छाया वाला, मनोरम, पत्र, पुष्प और फलों से लदा हुआ और बहुत पक्षियों के लिए सदा उपकारी।१५

१०. वाएण हीरमाणंमि, चेइयंमि मणोरमे।

दुहिया असरणा अत्ता, एए कंदंति भो! खगा।।

एक दिन हवा चली और उस मनोरम चैत्य-वृक्ष को उखाड़ कर फेंक दिया। हे ब्राह्मण! उसके आश्रित रहने वाले ये पक्षी दु:खी, अशरण और पीड़ित होकर आक्रन्दन कर रहे हैं।१६

११. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइयो।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

१२. एस अग्गी य वाऊ य, एयं डज्झइ मंदिरं।

भयवं! अंतेउरं तेणं, कीस णं नावपेक्खसि?।।

यह अग्‍नि है और यह वायु है। यह आपका मन्दिर१७ जल रहा है। भगवन्! आप अपने रनिवास की ओर१८ क्यों नहीं देखते?

१३. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

१४. सुहं वसामो जीवामो, जेसिं मो नत्थि किंचण।

मिहिलाए डज्झमाणीए, न मे डज्झइ किंचण।।

वे हम लोग, जिनके पास अपना कुछ भी नहीं है, सुखपूर्वक रहते और सुख से जीते हैं। मिथिला जल रही है उसमें मेरा कुछ भी नहीं जल रहा है।१९

१५. चत्तपुत्तकलत्तस्स, निव्वावारस्स भिक्खुणो।

पियं न विज्जई किंचि, अप्पियं पि न विज्जए।।

पुत्र और स्त्रियों से मुक्त तथा व्यवसाय से निवृत्त२० भिक्षु के लिए कोई वस्तु प्रिय भी नहीं होती और अप्रिय भी नहीं होती।

१६. बहुं खु मुणिणो भद्दं, अणगारस्स भिक्खुणो।

सव्वओ विप्पमुक्कस्स, एगंतमणुपस्सओ।।

सब बन्धनों से मुक्त, 'मैं अकेला हूं, मेरा कोई नहीं'—इस प्रकार एकत्व-दर्शी२१, गृह-त्यागी एवं तपस्वी भिक्षु को विपुल सुख होता है।

१७. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुन कर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

१८. पागारं कारइत्ताणं, गोपुरट्टालगाणि च।

उस्सूलगसयग्घीओ, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे क्षत्रिय! अभी तुम परकोटा२२, बुर्ज वाले नगर-द्वार२३, खाई और शतघ्नी२४ (एक बार में सौ व्यक्तियों का संहार करने वाला यंत्र) बनवाओ, फिर मुनि बन जाना।

१९. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

२०. सद्धं नगरं किच्चा, तवसंवरमग्गलं।

खंतिं निउणपागारं, तिगुत्तं दुप्पधंसयं।।

श्रद्धा को नगर, तप और संयम को अर्गला२५, क्षमा या सहिष्णुता को त्रिगुप्त—बुर्ज, खाई और शतघ्नी स्थानीय मन, वचन और काय-गुप्ति से सुरक्षित२६, दुर्जेय और सुरक्षा-निपुण परकोटा बना,

२१. धणुं परक्कमं किच्चा, जीवं च इरियं सया।

धिइं च केयणं किच्चा, सच्चेण पलिमंथए।।

पराक्रम को धनुष, ईर्यापथ२७ को उसकी डोर और धृति को उसकी मूठ२८ बना उसे सत्य से बांधे।

२२. तवनारायजुत्तेण, भेत्तूणं कम्मकंचुयं।

मुणी विगयसंगामो, भवाओ परिमुच्चए।।

तप-रूपी लोह-बाण से युक्त धनुष के द्वारा कर्म-रूपी कवच को भेद डाले। इस प्रकार संग्राम का अन्त कर मुनि संसार से मुक्त हो जाता है।

२३. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

२४. पासाए कारइत्ताणं, वद्धमाणगिहाणि य।

बालग्गपोइयाओ य, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे क्षत्रिय! अभी तुम प्रासाद, वर्धमान-गृह२९ और चन्द्रशाला३० बनवाओ, फिर मुनि बन जाना।

२५. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

२६. संसयं खलु सो कुणई, जो मग्गे कुणई घरं।

जत्थेव गंतुमिच्छेज्जा, तत्थ कुव्वेज्ज सासयं।।

वह संदिग्ध ही बना रहता है जो मार्ग में घर बनाता है। (न जाने कब उसे छोड़ कर जाना पड़े)। अपना घर वहीं बनाना चाहिए जहां जाने की इच्छा हो—जहां जाने पर फिर कहीं जाना न हो।३१

२७. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

२८. आमोसे लोमहारे य, गंठिभेए य तक्करे।

नगरस्स खेमं काऊणं, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे क्षत्रिय! अभी तुम बटमारों, प्राण-हरण करने वाले लुटेरों, गिरहकटों और चोरों का निग्रह कर नगर में शान्ति स्थापित करो, फिर मुनि बन जाना।३२

२९. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

३०. असइं तु मणुस्सेहिं, मिच्छा दंडो पजुंजई।

अकारिणोऽत्थ बज्झंति, मुच्चई कारओ जणो।।

मनुष्यों द्वारा अनेक बार मिथ्यादण्ड का प्रयोग किया जाता है। अपराध नहीं करने वाले यहां पकड़े जाते हैं और अपराध करने वाला छूट जाता है।३३

३१. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

३२. जे केइ पत्थिवा तुब्भं, नानमंति नराहिवा!।

वसे ते ठावइत्ताणं, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे नराधिप क्षत्रिय! जो कई राजा तुम्हारे सामने नहीं झुकते उन्हें वश में करो, फिर मुनि बन जाना।

३३. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

३४. जो सहस्सं सहस्साणं, संगामे दुज्जए जिणे।

एगं जिणेज्ज अप्पाणं, एस से परमो जओ।।

जो पुरुष दुर्जेय संग्राम में दस लाख योद्धाओं को जीतता है, उसकी अपेक्षा वह एक अपने आपको जीतता है, यह उसकी परम विजय है।

३५. अप्पाणमेव जुज्झाहि, किं ते जुज्झेण बज्झओ?

अप्पाणमेव अप्पाणं, जइत्ता सुहमेहए।।

आत्मा के साथ ही युद्ध कर, बाहरी युद्ध से तुझे क्या लाभ? आत्मा को आत्मा के द्वारा ही जीत कर मनुष्य सुख पाता है।३४

३६. पंचिंदियाणि कोहं, माणं मायं तहेव लोहं च।

दुज्जयं चेव अप्पाणं, सव्वं अप्पे जिए जियं।।

पांच इन्द्रियां, क्रोध, मान, माया, लोभ और मन—ये दुर्जेय हैं। एक आत्मा को जीत लेने पर ये सब जीत लिये जाते हैं।

३७. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

३८. जइत्ता विउले जण्णे, भोइत्ता समणमाहणे।

दच्चा भोच्चा य जट्ठा य, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे क्षत्रिय! अभी तुम प्रचुर यज्ञ करो, श्रमण-ब्राह्मणों को भोजन कराओ, दान दो, भोग भोगो और यज्ञ करो, फिर मुनि बन जाना।३५

३९. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

४०. जो सहस्सं सहस्साणं, मासे मासे गवं दए।

तस्सावि संजमो सेओ, अदिंतस्स वि किंचण।।

जो मनुष्य प्रतिमास दस लाख गायों का दान देता है उसके लिए भी संयम ही श्रेय है, भले फिर वह कुछ भी न दे।३६

४१. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

४२. घोरासमं चइत्ताणं, अन्नं पत्थेसि आसमं।

इहेव पोसहरओ, भवाहि मणुयाहिवा!।।

हे मनुजाधिप! तुम घोराश्रम (गार्हस्थ्य) को छोड़ कर दूसरे आश्रम (संन्यास) की इच्छा करते हो, यह उचित नहीं। तुम यहीं रह कर पौषध में रत३७ होओ—अणुव्रत, तप आदि का पालन करो।३८

४३. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

४४. मासे मासे तु जो बालो, कुसग्गेण तु भुंजए।

न सो सुयक्खायधम्मस्स, कलं अग्घइ सोलसिं।।

कोई बाल (गृहस्थ) मास-मास की तपस्या के अनन्तर कुश की नोक पर टिके उतना सा आहार३९ करे तो भी वह सु-आख्यात धर्म४०—चारित्र धर्म की सोलहवीं कला को भी प्राप्त नहीं होता।४१

४५. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

इस अर्थ को सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

४६. हिरण्णं सुवण्णं मणिमुत्तं, कंसं दूसं च वाहणं।

कोसं वड्ढावइत्ताणं, तओ गच्छसि खत्तिया!।।

हे क्षत्रिय! अभी तुम चांदी, सोना४२, मणि, मोती, कांसे के बर्तन, वस्त्र, वाहन और भण्डार की वृद्धि करो, फिर मुनि बन जाना।

४७. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

४८. सुवण्णरुप्पस्स उ पव्वया भवे, सिया हु केलाससमा असंखया।

नरस्स लुद्धस्स न तेहिं किंचि, इच्छा हु आगाससमा अणंतिया।।

कदाचित् सोने और चांदी के कैलास के समान असंख्य पर्वत हो जाएं, तो भी लोभी पुरुष को उनसे कुछ भी नहीं होता, क्योंकि इच्छा आकाश के समान अनन्त है।

४९. पुढवी साली जवा चेव, हिरण्णं पसुभिस्सह।

पडिपुण्णं नालमेगस्स, इइ विज्जा तवं चरे।।

पृथ्वी, चावल, जौ, सोना और पशु—ये सब एक की इच्छापूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं हैं४३, यह जान कर तप का आचरण करे।

५०. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमिं रायरिसिं, देविंदो इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए देवेन्द्र ने नमि राजर्षि से इस प्रकार कहा—

५१. अच्छेरगमब्भुदए, भोए चयसि पत्थिवा!।

असंते कामे पत्थेसि, संकप्पेण विहन्नसि।।

हे पार्थिव! आश्‍चर्य है कि तुम इस अभ्युदय-काल में सहज प्राप्त भोगों को त्याग रहे हो और अप्राप्त काम-भोगों की इच्छा कर रहे हो—इस प्रकार तुम अपने संकल्प से ही प्रताड़ित हो रहे हो।४४

५२. एयमट्ठं निसामित्ता, हेऊकारणचोइओ।

तओ नमी रायरिसी, देविंदं इणमब्बवी।।

यह अर्थ सुनकर हेतु और कारण से प्रेरित हुए नमि राजर्षि ने देवेन्द्र से इस प्रकार कहा—

५३. सल्लं कामा विसं कामा, कामा आसीविसोवमा।

कामे पत्थेमाणा, अकामा जंति दोग्गइं।।

काम-भोग शल्य हैं, विष हैं और आशीविष सर्प के तुल्य हैं। काम-भोगों की इच्छा करने वाले४५, उनका सेवन न करते हुए भी दुर्गति को प्राप्त होते हैं।४६

५४. अहे वयइ कोहेणं, माणेणं अहमा गई।

माया गइपडिग्घाओ, लोभाओ दुहओ भयं।।

मनुष्य क्रोध से अधोगति में जाता है। मान से अधम गति होती है। माया से सुगति का विनाश होता है। लोभ से दोनों प्रकार का—ऐहिक और पारलौकिक—भय होता है।४७

५५. अवउज्झिऊण माहणरूवं, विउव्विऊण इंदत्तं।

वंदइ अभित्थुणंतो, इमाहि महुराहिं वग्गूहिं।।

देवेन्द्र ने ब्राह्मण का रूप छोड़, इन्द्र रूप में प्रकट हो नमि राजर्षि को वन्दना की और वह इन मधुर शब्दों में स्तुति करने लगा—

५६. अहो! ते निज्जिओ कोहो, अहो! ते माणो पराजिओ।

अहो! ते निरक्किया माया, अहो! ते लोभो वसीकओ।।

हे राजर्षि! आश्‍चर्य है तुमने क्रोध को जीता है! आश्‍चर्य है तुमने मान को पराजित किया है! आश्‍चर्य है तुमने माया को दूर किया है! आश्‍चर्य है तुमने लोभ को वश में किया है!

५७. अहो! ते अज्जवं साहु, अहो! ते साहु मद्दवं।

अहो! ते उत्तमा खंती, अहो! ते मुत्ति उत्तमा।।

अहो! उत्तम है तुम्हारा आर्जव। अहो! उत्तम है तुम्हारा मार्दव। अहो! उत्तम है तुम्हारी क्षमा या सहिष्णुता। अहो! उत्तम है तुम्हारी निर्लोभता।

५८. इहं सि उत्तमो भंते!, पेच्चा होहिसि उत्तमो।

लोगुत्तमुत्तमं ठाणं, सिद्धिं गच्छसि नीरओ।।

भगवन्! तुम इस लोक में भी उत्तम हो और परलोक में भी उत्तम होओगे। तुम कर्म-रज से मुक्त होकर लोक के सर्वोत्तम स्थान (मोक्ष) को प्राप्त करोगे।

५९. एवं अभित्थुणंतो, रायरिसिं उत्तमाए सद्धाए।

पयाहिणं करेंतो, पुणो-पुणो वंदई सक्को।।

इस प्रकार इन्द्र ने उत्तम श्रद्धा से राजर्षि की स्तुति की और प्रदक्षिणा करते हुए बार-बार वन्दना की।

६०. तो वंदिऊण पाए, चक्कंकुसलक्खणे मुणिवरस्स।

आगासेणुप्पइओ, ललियचवलकुंडलतिरीडी।।

इसके पश्‍चात् मुनिवर नमि के चक्र और अंकुश से चिन्हित चरणों में वन्दना कर ललित और चपल कुण्डल एवं मुकुट को धारण करने वाला४८ इन्द्र आकाश-मार्ग से चला गया।

६१. नमी नमेइ अप्पाणं, सक्खं सक्केण चोइओ।

चइऊण गेहं वइदेही, सामण्णे पज्जुवट्ठिओ।।

नमि राजर्षि ने अपनी आत्मा को नमा लिया४९—संयम के प्रति समर्पित कर दिया। वे साक्षात् देवेन्द्र के द्वारा प्रेरित होने पर भी धर्म से विचलित नहीं हुए और गृह और वैदेही५० (मिथिला) को त्याग कर श्रामण्य में उपस्थित हो गये।

६२. एवं करेंति संबुद्धा, पंडिया पवियक्खणा।

विणियट्टंति भोगेसु, जहा से नमी रायरिसि।।

संबुद्ध, पण्डित और प्रविचक्षण पुरुष इसी प्रकार करते हैं—वे भोगों से निवृत्त होते हैं जैसे कि नमि राजर्षि हुए।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ९ : नमि-प्रव्रज्या

१. उत्पन्न हुआ (उववन्नो)

आगमों में यह शब्द बहु व्यवहृत है। इसका सामान्य अर्थ है—उत्पत्ति। देवता और नैरयिक के अतिरिक्त मनुष्य (उत्तरा० ९।१), स्थावरकाय (सूत्रकृतांग २।७।१०) तथा त्रसकाय (सूत्रकृतांग २।७।१६) की उत्पत्ति में भी यह शब्द प्रयुक्त है। उत्तरवर्ती साहित्य में यह शब्द देवता और नारक की उत्पत्ति के अर्थ में रूढ़ हो गया। तत्त्वार्थ में 'नारकदेवानामुपपात:'—ऐसा प्रयोग मिलता है। उपपात का अर्थ भी उत्पत्ति है। परन्तु उत्पत्ति और उपपात की प्रक्रिया भिन्न है। गर्भज और सम्मूर्च्छनज प्रक्रिया उत्पत्ति की प्रक्रिया है। उपपात की प्रक्रिया में उत्पन्न होने वाला जीव अंतर्मुहूर्त्त में युवा बन जाता है।

२. उसका मोह उपशान्त था (उवसंतमोहणिज्जो)

यहां उपशम का अर्थ—अनुदयावस्था है। प्रस्तुत प्रसंग में चूर्णिकार ने दर्शनमोह और चारित्रमोह—दोनों की उपशांत दशा का उल्लेख किया है। वृत्ति में केवल दर्शनमोहनीय की उपशांत दशा का उल्लेख है।

जातिस्मृति ज्ञान के लिए चारित्रमोहनीय का उपशांत होना भी आवश्यक है। शुभ परिणाम और लेश्या की विशुद्धि के क्षणों में जातिस्मृति ज्ञान उत्पन्न होता है।

३. पूर्वजन्म की स्मृति हुई (सरई पोराणियं जाइं)

जाति का अर्थ उत्पत्ति या जन्म है। आत्मवाद के अनुसार जन्म की परम्परा अनादि है। इसलिए उसे पुराण कहा है। पुराण-जाति अर्थात् पूर्व-जन्म। पूर्व-जन्म की स्मृति को 'जातिस्मृति ज्ञान' कहा जाता है। यह मतिज्ञान का एक प्रकार है। इसके द्वारा पूर्ववर्ती संख्येय जन्मों की स्मृति होती है। वे सारे समनस्क जन्म होते हैं। प्रचलित धारणा यह है कि जातिस्मृति से उत्कृष्टत: पूर्व के नौ जन्म जाने जा सकते हैं।

किसी हेतु से संस्कार का जागरण होता है और अनुभूत-विषय की स्मृति हो जाती है। संस्कार मस्तिष्क में संचित होते हैं। प्रयत्‍न करने पर वे उद्बुद्ध हो जाते हैं। आजकल मस्तिष्क पर यांत्रिक व्यायाम कर शिशु जीवन की घटनाओं की स्मृति कराई जाती है। यह सारी वर्तमान जीवन की स्मृति की प्रक्रिया है। पूर्व-जन्म के संस्कार सूक्ष्म-शरीर—कार्मण-शरीर में संचित रहते हैं। मन की एकाग्रता तथा पूर्व-जन्म को जानने की तीव्र अभिलाषा से अथवा किसी अनुभूत घटना की पुनरावृत्ति देख जाति-स्मृति हो जाती है। जैन आगमों में इसके अनेक उल्लेख हैं। वर्तमान में भी इससे संबद्ध घटनाएं सुनी जाती हैं।

पूर्वजन्म की स्मृति के चार कारण निर्दिष्ट हैं—

१. मोहनीय कर्म का उपशम।

२. अध्यवसायों की शुद्धि अथवा लेश्या की शुद्धि।

३. ईहा, अपोह, मार्गणा और गवेषणा।

४. जातिस्मृति ज्ञान को आवृत करने वाले कर्मों का क्षयोपशम।

प्रस्तुत श्‍लोक में केवल एक ही कारण—मोहनीय कर्म का उपशम निर्दिष्ट है।

जातिस्मृति ज्ञान के दो प्रकार हैं—सनिमित्तक और अनिमित्तक। कुछेक व्यक्तियों में जातिस्मृति ज्ञान के आवारक कर्मों के क्षयोपशम से वह ज्ञान स्वत: उद्भूत हो जाता है। यह अनिमित्तक है। कुछेक व्यक्तियों में यह ज्ञान बाह्य निमित्त से उद्भूत होता है। यह सनिमित्तक है।

चूर्णिकार के अनुसार प्रस्तुत प्रसंग में नमि जान जाते हैं कि देवभव से पूर्व वे मनुष्य थे और वहां उन्होंने संयम की आराधना की थी। वहां से वे पुष्पोत्तर विमान में देवरूप में उत्पन्न हुए थे।

'सरई' वर्तमान काल का रूप है। शान्त्याचार्य ने 'स्म' को 'शेष' माना है। 'स्मरतिस्म' अर्थात् याद किया—स्मृति हुई। नेमिचन्द्र ने उस समय की अपेक्षा से इसे वर्तमान का रूप माना है।

४. भगवान् (भयवं)

'भग' शब्द के अनेक अर्थ हैं—धैर्य, सौभाग्य, माहात्म्य, यश, सूर्य, श्रुत, बुद्धि, लक्ष्मी, तप, अर्थ, योनि, पुण्य, ईश, प्रयत्‍न और तनु। यहां प्रकरणवश उसका अर्थ बुद्धि या ज्ञान है। भगवान् अर्थात् बृद्धिमान। आचार्य नेमिचन्द्र ने धैर्य आदि समस्त गुणों से युक्त व्यक्ति को भगवान् माना है।

५. स्वयं संबुद्ध हुआ (सहसंबुद्धो)

चूर्णिकार ने 'सहसंबुद्ध' की व्युत्पत्ति—सहसा संबुद्धो—इस रूप में देकर इसका अर्थ स्वयंबुद्ध किया है।

वृत्तिकार ने 'सह' का मुख्य अर्थ स्वयं और संबुद्ध का अर्थ सम्यग् तत्त्व का ज्ञाता किया है। जो स्वयं संबुद्ध होता है, किसी के द्वारा नहीं, वह सहसंबुद्ध है। उन्होंने इसका वैकल्पिक अर्थ—सहसा संबुद्ध अर्थात् जातिस्मृति के अनन्तर शीघ्र ही संबुद्ध होने वाला—किया है।

आगम साहित्य में 'सह' शब्द 'स्व' के अर्थ में प्रयुक्त होता है।

मुनि तीन प्रकार के होते हैं—

१. स्वयंबुद्ध—बिना किसी निमित्त के बुद्ध होने वाले।

२. प्रत्येकबुद्ध—निमित्त से प्रतिबुद्ध होने वाले।

३. बुद्धबोधित—प्रतिबुद्ध व्यक्ति से प्रेरणा पाकर बुद्ध होने वाले।

नमि स्वयंबुद्ध नहीं, प्रत्येकबुद्ध थे। कथानक के अनुसार वे चूड़ियों की ध्वनि के निमित्त को पाकर प्रतिबुद्ध हुए थे। अठारहवें अध्ययन (श्‍लोक ४५) के चार प्रत्येकबुद्धों में 'नमि' का भी उल्लेख है। किन्तु मूलपाठ के आधार पर यह फलित होता है कि नमि को पूर्वजन्म की स्मृति हुई और उसके पश्‍चात् वे स्वयं संबुद्ध हो गए।

६. सेना (बल.....)

चूर्णिकार के अनुसार 'बल' शब्द चतुरंगिणी सेना का द्योतक है। प्राचीन काल में सेना के चार अंग ये थे—१. हस्तिसेना, २. अश्‍वसेना, ३. रथसेना और ४. पदातिसेना।

७. एकान्तवासी या एकत्व अधिष्ठित (एगंतमहिट्ठिओ)

एकान्त शब्द के तीन अर्थ किए गए हैं—मोक्ष, विजन स्थान और एकत्व भावना। जो मोक्ष के उपाय—सम्यक् दर्शन आदि का सहारा लेता है, वह यहीं जीवन-मुक्त हो जाता है, इसलिए वह एकान्ताधिष्ठित कहलाता है। उद्यान आदि विजन स्थानों में रहने वाला तथा 'मैं अकेला हूं, मेरा कोई नहीं है और मैं भी किसी का नहीं हूं। मैं उनको नहीं देखता कि जिसका मैं होऊं और जो मेरा हो वह भी मुझे नहीं दीखता'—इस प्रकार अकेलेपन की भावना करने वाला भी एकांताधिष्ठित कहलाता है। एकांतवासी में ये तीनों अर्थ गर्भित हैं। इन सभी अर्थों के साथ ही साथ चूर्णिकार ने एकांत का अर्थ 'वैराग्य' भी किया है।

प्रस्तुत श्‍लोक में 'एगंतमहिट्ठिओ' तथा सोलहवें श्‍लोक में 'एगंतमणुपस्सओ' पाठ है। अर्थ के संदर्भ में दोनों स्थानों पर 'एगत्त' पाठ होना चाहिए। 'एगत्त' और 'एगंत' में लिखने में अधिक अन्तर नहीं होता। संभवत: 'एगत्त' पाठ ही 'एगंत' बन गया हो।

'एगंतमहिट्ठिओ' का अर्थ एकांतवासी की अपेक्षा एकत्व अधिष्ठित अधिक संगत लगता है। इसी प्रकार 'एगंतमणुपस्सओ' का अर्थ एकान्तदर्शी की अपेक्षा एकत्वदर्शी अधिक उपयुक्त लगता है। 'मैं अकेला हूं' 'मेरा कोई नहीं है'—यह बात एकत्वदर्शी ही कह सकता है।

(देखें—श्‍लोक १६ का टिप्पण।)

८. राजर्षि नमि (रायरिसिंमि)

नमि मिथिला जनपद के राजा थे। प्रव्रज्या के लिए उद्यत होने पर वे ऋषि बन गए। इसलिए उन्हें, 'राजर्षि' के रूप में अभिहित किया गया है। अथवा राजा की अवस्था में भी वे एक ऋषि की भांति जीवन बिताते थे, इसलिए भी वे राजर्षि कहलाए।

राजनीति का एक श्‍लोक है—

'काम: क्रोधस्तथा लोभो, हर्षो मानो मदस्तथा।

षड्वर्गमुत्सृजेदेनं, तस्मिंस्त्यक्ते सुखी नृप:।।'

—जो काम, क्रोध, लोभ, हर्ष, मान और मद—अहंकार—इस षड्वर्ग को छोड़ देता है, वह राजर्षि कहलाता है। वह सुखी होता है।

९. कोलाहल जैसा होने लगा (कोलाहलगभूयं)

जब नमि राजर्षि ने प्रव्रज्या के लिए अभिनिष्क्रमण किया तब कुछ पौरजन विलाप करने लगे, कुछ आक्रन्दन करने लगे और कुछ चिल्लाने लगे। उन सभी कलकल शब्दों से सारा नगर कोलाहलमय हो गया, कोलाहल से आकुल हो गया।

भूत शब्द के आठ अर्थ प्राप्त हैं—

१. बना हुआ

२. अतीत

३. प्राप्त

४. सदृश

५. यथार्थ

६. विद्यमान

७. उपमा

८. तदर्थभाव।

वृत्तिकार ने प्रस्तुत प्रकरण में भूत शब्द के दो अर्थ किए हैं—जात-उत्पन्न और सदृश। यहां पहला अर्थ ही प्रसंगोपात्त है। इस अर्थ में 'भूत' शब्द का परनिपात प्राकृत के नियमानुसार हुआ है।

१०. ब्राह्मण (माहण)

उत्तराध्ययन में 'माहण' शब्द का प्रयोग निम्‍नांकित स्थलों पर हुआ है—

१. ९।६,३८,५५।

२. १२।११,१३,१४,३०,३८।

३. १४।५,३८,५३।

४. १५।९।

५. १८।२१।

६. २५।१,४,१८-२७,३२,३४,३५।

शान्त्याचार्य ने इन विभिन्न स्थलों में प्रयुक्त 'माहण' शब्द का अर्थ इस प्रकार किया है—

१. माहणरूयेण—ब्राह्मणवेषेण (बृ० प० ३०७)

ब्राह्मणाश्‍च—द्विजा: (बृ० प० ३१४)

ब्राह्मणरूपम् (बृ० प० ३१८)

२. माहणानां—ब्राह्मणानाम् (बृ० प० ३६०)

ब्राह्मणा: द्विजा: (बृ० प० ३६१)

ब्राह्मणानाम् (बृ० प० ३६२)

ब्राह्मणो द्विजाति: (बृ० प० ३६७)

माहना ब्राह्मणा: (बृ० प० ३७०)

३. माहनस्य ब्राह्मणस्य (बृ० प० ३९७)

ब्राह्मणेन (बृ० प० ४०८)

ब्राह्मण:, ब्राह्मणी (बृ० प० ४१२)

४. माहना ब्राह्मणा: (बृ० प० ४१८)

५. 'माहण' त्ति मा वधीत्येवंरूपं मनो वाक् क्रिया च यस्यासौ माहन:, सर्वे धातव: पंचादिषु दृश्यन्त इति वचनात्पचादित्वादच् (बृ० प० ४४२)

६. ब्राह्मणकुलसंभूत: (बृ० प० ५२२)

ब्राह्मणसम्पद: (बृ० प० ५२६)

ब्राह्मण: (बृ० प० ५२६)

वयं ब्रूमो ब्राह्मणम् (बृ० प० ५२६)

ब्राह्मण: माहण: (बृ० प० ५२९)

ब्राह्मणत्वम् (बृ० प० ५२९)

उक्त अध्ययन के आधार पर यह निष्कर्ष निकलता है कि शान्त्याचार्य ने १८।२१ में प्रयुक्त 'माहण' शब्द की व्याख्या अहिंसक के रूप में की है और शेष स्थानों में प्रयुक्त 'माहण' का अर्थ उन्होंने ब्राह्मण जाति या ब्राह्मणत्व से संबद्ध माना है। ब्राह्मण का प्राकृत रूप 'बंभण' बनता है किन्तु इस आगम में ब्राह्मण के लिए 'बंभण' का प्रयोग २५।१९, २९, ३०, ३१ में हुआ है। इसके सिवा सर्वत्र 'माहण' का प्रयेाग मिलता है। 'माहण' और 'बंभण' की प्रकृति एक नहीं है। 'माहण' अहिंसा का और 'बंभण' ब्रह्मचर्य (ब्रह्म-आराधना) का सूचक है। अहिंसा के बिना ब्रह्म की आराधना नहीं हो सकती और ब्रह्म की आराधना के बिना कोई अहिंसक नहीं हो सकता। इस प्रगाढ़ सम्बन्ध से दोनों शब्द एकार्थवाची बन गए। आगमिक व्याकरण के अनुसार ब्राह्मण का 'माहण' रूप बनता हो, यह भी संभव है। ब्राह्मण के लिए 'माहण' शब्द के प्रयोग की प्रचुरता को देखते हुए इस संभावना की उपेक्षा नहीं की जा सकती।

मलयगिरि ने 'माहण' का अर्थ परम गीतार्थ श्रावक भी किया है। इस प्रकार 'माहण' शब्द साधु, श्रावक और ब्राह्मण—इन तीनों के लिए प्रयुक्त होता है, यह आगम की व्याख्याओं से प्राप्त होने वाला निष्कर्ष है। पर वह कहां साधु के लिए, कहां श्रावक के लिए और कहां ब्राह्मण के लिए है—इसका निर्णय करना बहुत विवादास्पद रहा है।

११. प्रासादों और गृहों में (पासाएसु गिहेसु)

चूर्णिकार ने प्रासाद का व्युत्पत्तिपरक अर्थ इस प्रकार किया है—जिसको देखकर जनता के नयन और मन आनन्दित हो जाते हैं, वह है प्रासाद।

वृत्ति के अनुसार सात मंजिल वाला या इससे अधिक मंजिल वाला मकान 'प्रासाद' कहलाता है और साधारण मकान 'गृह'। प्रासाद का दूसरा अर्थ देवकुल और राज-भवन भी है।

१२. दारुण (दारुणा)

जो शब्द जनमानस को विदारित कर देते हैं, मन को फाड़ देते हैं अथवा जो शब्द हृदय में उद्वेग पैदा करते हैं, वे दारुण कहलाते हैं।

१३. सुनकर, हेतु और कारण से (निसामित्ता हेऊकारण...)

संस्कृत भाषा में श्रुत्वा (सोच्चा) और निशम्य (निसामित्ता) ये सामान्यत: पर्यायवाची माने जाते हैं। अर्थ की अभिव्यंजना की दृष्टि से दोनों में अन्तर है। श्रुत्वा का अर्थ है—सुनकर और निशम्य का अर्थ है—अवधारण कर।

साध्य के बिना जिसका न होना निश्‍चित हो उसे हेतु कहा जाता है। इन्द्र ने कहा—'तुम जो अभिनिष्क्रमण कर रहे हो वह अनुचित है (पक्ष), क्योंकि तुम्हारे अभिनिष्क्रमण के कारण समूचे नगर में हृदय-वेधी कोलाहल हो रहा है (हेतु)।'

अदृष्ट पदार्थ जिस दृष्ट वस्तु के द्वारा गृहीत होता है, उसे हेतु कहा जाता है। जैसे—अदृष्ट अग्‍नि के लिए दृष्ट धुआं हेतु है।

जिसके बिना कार्य की उत्पत्ति न हो सके और जो निश्‍चित रूप से कार्य का पूर्ववर्ती हो उसे कारण कहा जाता है। यदि तुम अभिनिष्क्रमण नहीं करते तो इतना हृदय-वेधी कोलाहल नहीं होता। इस हृदय-वेधी कोलाहल का कारण तुम्हारा अभिनिष्क्रमण है।

१४. चैत्यवृक्ष (चेइए वच्छे)

चूर्णि और टीका में चैत्यवृक्ष का अर्थ उद्यान और उसके वृक्ष किया गया है। किन्तु वस्तुत: 'चेइए वच्छे' का अर्थ 'चैत्यवृक्ष' होना चाहिए। चैत्य को वियुक्त मानकर उसका अर्थ उद्यान करने का कोई प्रयोजन नहीं है।

पीपल, बड़, पाकड़ और अश्‍वत्थ—ये चैत्य जाति के वृक्ष हैं। मल्लिनाथ ने रथ्या-वृक्षों को चैत्यवृक्ष माना है।

शान्त्याचार्य के अनुसार जिस वृक्ष के मूल में चबूतरा बना हो और ऊपर झण्डा लगा हुआ हो, वह चैत्यवृक्ष कहलाता है। चैत्य शब्द को उद्यानवाची मानने पर वृक्ष शब्द को तृतीया विभक्ति का बहुवचन (वच्छेहि) और उसका (हि) लोप मानना पड़ा। किन्तु 'चेइए' को 'वच्छे' का विशेषण माना जाता तो वैसा करना आवश्यक नहीं होता और व्याख्या भी स्वयं सहज हो जाती। स्थानांग में 'चेइयरुक्ख' शब्द मिलता है। उससे भी यह प्रमाणित होता है कि 'चेइए वच्छे' का अर्थ 'चैत्यवृक्ष' ही होना चाहिए।

'वच्छे' के संस्कृत रूप दो होते हैं—वत्स और वृक्ष। यहां यह वृक्ष के अर्थ में प्रयुक्त है। प्रिय पुत्र का एक संबोधन है 'वत्स'। वृक्षों का पुत्र की भांति पालन-पोषण होता है, इसलिए उन्हें भी वत्स कह दिया जाता है।

१५. बहुत पक्षियों के लिए सदा उपकारी (बहूणं बहुगुणे)

चूर्णिकार ने 'बहूणं' से द्विपद, चतुष्पद तथा पक्षियों का ग्रहण किया है। वृत्तिकार ने इसे केवल पक्षियों का ही वाचक माना है।

'बहुगुण' का अर्थ है—प्रचुर उपकारी। वह चैत्यवृक्ष, शीतलवायु, पत्र, पुष्प आदि के द्वारा सबका उपकार करता था, इसलिए वह 'बहुगुण' था।

१६. (श्‍लोक १०)

प्रस्तुत श्‍लोक में पक्षियों के उपचार से सूत्रकार यह बताना चाहते हैं कि नमि राजर्षि के अभिनिष्क्रमण को लक्ष्य कर मिथिला के पौरजन और राजर्षि के स्वजन आक्रन्दन कर रहे हैं, मानो कि चैत्य-वृक्ष के धराशायी हो जाने पर पक्षिगण आक्रन्दन कर रहे हों। पक्षियों और स्वजनों का साम्य है। जैसे पक्षी एक वृक्ष पर रात बिताते हैं, फिर प्रात: अपनी-अपनी दिशा में उड़ जाते हैं, वैसे ही स्वजनों का एक निश्‍चित काल-मर्यादा के लिए संयोग होता है, फिर सब बिछुड़ जाते हैं।

वृत्तिकार ने उपसंहार में बताया है कि पौरजनों या स्वजनों का आक्रन्दन करने का मूल हेतु नमि राजर्षि का अभिनिष्क्रमण नहीं है। आक्रन्दन का मूल हेतु है अपना-अपना स्वार्थ या प्रयोजन। स्वार्थ को विघटित होते देख सब आक्रन्दन कर रहे हैं।

१७. मन्दिर (मंदिरं)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ नगर और वृत्तिकार ने घर, प्रासाद किया है।

१८. रनिवास की ओर (अंतेउरं तेणं)

वृत्तिकार ने इसे एक पद मानकर इसका अर्थ—अन्त:पुराभिमुख किया है।

१९. (श्‍लोक १४)

साधना की दो भूमिकाएं हैं—निवृत्ति—एकत्व की साधना और लोक-संग्रह की भूमिका। प्रत्येकबुद्ध में एकत्व की भूमिका इतनी प्रबल हो जाती है कि उस भूमिका में केवल आत्मा ही शेष रहती है। निर्ममत्व की साधना का यह उत्कर्ष है।

मिथिला नगरी धूं-धूं कर जल रही है। नगरी के राजप्रासाद तथा अन्यान्य गृह भी अग्‍नि की लपेट में हैं। उस समय नमि सोचते हैं, 'जो जल रहा है उसमें मेरा कुछ भी नहीं है। क्योंकि मैं अकेला हूं। मेरे लिए अपना या पराया कुछ भी नहीं है।' नमि राजर्षि का यह चिन्तन निर्ममत्व या एकत्व की उत्कृष्ट साधना का सूचक है।

मिथिला का दाह एक रूपक है। अध्यात्म की भूमिका में एकत्व का मूल्य प्रदर्शित करने के लिए इस रूपक का उपयोग किया गया है। व्यवहार की भूमिका इससे भिन्न है। भूमिका-भेद को हृदयंगम करने पर ही इसका तात्पर्य समझा जा सकता है।

यह चिन्तन बौद्ध साहित्य और महाभारत में भी उपलब्ध है।

बौद्ध परम्परा के महाजनक जातक में प्रस्तुत श्‍लोक की भांति तीन श्‍लोक मिलते हैं—

सुसुखं बत जीवाम येसं नो नत्थि किञ्चनं।

मिथिलाय डह्यमानाय न मे किंचि अड्यहथ।। १२५।।

सुसुखं बत जीवाम येसं नो नत्थि किंचनं।

रट्ठे विलुप्पमानम्हि न मे किंचि अजीरथ।। १२७।।

सुसुखं बत जीवाम येसं नो नत्थि किंचनं।

पीतिभक्खा भविस्साम देवा आभास्सरा यथा।। १२८।।

महाभारत में मांडव्य मुनि और राजा जनक का संवाद आया है। एक प्रश्‍न के उत्तर में महाराज जनक कहते हैं—

सुसुखं बत जीवामि, यस्य मे नास्ति किंचन।

मिथिलायां प्रदीप्तायां, न मे दह्यति किंचन।।

इसी प्रकार एक दूसरा श्‍लोक है—

अनन्तमिव मे वित्तं, यस्य मे नास्ति किंचन।

मिथिलायां प्रदीप्तायां, न मे दह्यति किंचन।।

२०. व्यवसाय से निवृत्त (निव्वावारस्स)

वृत्तिकार ने यहां कृषि, पशु-पालन आदि को व्यवसाय माना है।

साधु निर्व्यापार होता है। वह निवृत्तिप्रधान जीवन जीता है। उसके लिए प्रिय या अप्रिय कुछ भी नहीं होता। वह भिक्षाजीवी होता है। सारी आवश्यकताएं भिक्षा से पूरी हो जाती हैं, इसलिए उसे व्यवसाय करना नहीं पड़ता।

२१. एकत्वदर्शी (एगंतमणुपस्सओ)

चूर्णिकार ने एकान्त के दो अर्थ किए हैं—(१) एकत्वदर्शी—मैं अकेला हूं, मैं किसी का नहीं हूं, और (२) निर्वाणदर्शी। वृत्तिकार ने एकान्त का अर्थ—मैं अकेला हूं—किया है।

चूर्णि और वृत्ति की व्याख्या के आधार पर यह अनुमान किया जा सकता है कि चूर्णिकार और वृत्तिकार के सामने 'एगत्तमणुपस्सओ' पाठ था।

देखें—श्‍लोक ४ का टिप्पण।

२२. परकोटा (पागारं)

प्राचीन काल में नगर या किले की सुरक्षा के लिए मिट्टी या ईंटों की एक सुदृढ़ दीवार बनाई जाती थी, उसे प्राकार या परकोटा कहा जाता था। वह तीन प्रकार के होती थी—पांसु प्राकार, इष्टिका प्राकार और प्रस्तर प्राकार। प्रस्तर प्राकार प्रशस्त माना जाता था।

२३. बुर्ज वाले नगर-द्वार (गोपुरट्टालगाणि)

गोपुर का अर्थ 'नगर-द्वार' है।

टीकाकार ने इसका अर्थ प्रतोली द्वार—नगर के बीच की सड़क का या गली का द्वार, किया है। अट्टालक का अर्थ 'बुर्ज' है। गोपुर अट्टालक—बुर्ज वाले नगर-द्वार सुरक्षा तथा पर्यवेक्षण के लिए बनाए जाते थे। वाल्मीकि रामायण में गोपुरट्टालक और साट्टगोपुर के प्रयोग मिलते हैं।

२४. खाई और शतघ्नी (उस्सूलग सयग्घीओ)

'उस्सूलग' का एक अर्थ है—खाई। खाई शत्रु-सेना को पराजित करने के लिए बनाई जाती थी। वह बहुत ही गहरी और चौड़ी होती थी। उसमें जल भरा रहता था इसलिए शत्रु-सेना उसे सहज ही पार नहीं कर पाती थी। 'उस्सूलग' का दूसरा अर्थ ऊपर से ढंका हुआ गड्ढा भी किया गया है। जार्ल सरपेन्टियर के अभिमत में 'उस्सूलग' का अर्थ 'खाई' यथार्थ नहीं है। सर्वार्थसिद्धि में 'उच्छूलग' शब्द है। चूर्णि, बृहद्वृत्ति और सुखबोधा में 'उस्सूलग' है। बीसवें श्‍लोक के 'तिगुत्त' शब्द की व्याख्या में बृहद्वृत्ति में 'उच्चूलक' और सुखबोधा में 'उच्छूलक' पाठ है। इससे जान पड़ता है कि 'उस्सूलग' और 'उच्छूलग' एक शब्द के ही दो रूप हैं।

जार्ल सरपेन्टियर ने इसका अर्थ 'ध्वज' किया है। जम्बूद्वीप प्रज्ञप्ति में 'ओचूलग' (अवचूलक) शब्द आया है। वृत्तिकार ने उसका अर्थ 'अधोमुखांचल—नीचे लटकता हुआ वस्त्र' किया है। इसलिए 'उस्सूलग' या 'उच्चूलक' का अर्थ 'ध्वज' भी किया जा सकता है। किन्तु 'तिगुत्त' शब्द को देखते हुए इसका अर्थ खाई या गड्ढा होना चाहिए। नगर की गुप्ति—सुरक्षा के लिए प्राचीन काल में खाई का महत्त्वपूर्ण स्थान रहा है।

'सयग्घी' का अर्थ है शतघ्नी। यह एक बार में सौ व्यक्तियों का संहार करने वाला यंत्र है। कौटिल्य ने इसे 'चल-यंत्र' माना है। अर्थशास्त्र की व्याख्या के अनुसार शतघ्नी का अर्थ है—दुर्ग की दीवार पर रखा हुआ एक विशाल स्तंभ, जिस पर मोटी और लम्बी कीलें लगी हुई हों।

आचार्य हेमचन्द्र ने 'सयग्घी' को देशी शब्द भी माना है। इसका पर्यायवाची शब्द 'घरट्टी' है। शेषनाममाला में इसके दो पर्यायवाची नाम हैं—चतुस्ताला और लोहकण्टकसंचिता। इसके अनुसार यह चार बालिश्त की और लोहे के कांटों से संचित होती थी। इसे एक बार में सैकड़ों पत्थर फेंकने का यंत्र, आधुनिक तोप का पूर्व रूप कहा जा सकता है।

प्राकार, गोपुर-अट्टालक, परिखा और शतघ्नी—ये प्राचीन नगरों, दुर्गों या राजधानियों के अभिन्न अंग होते थे।

२५. अर्गला (अग्गलं)

गोपुर (सिंहद्वार), किवाड़ और अर्गला—ये तीनों परस्पर सम्बन्धित हैं। सिंहद्वार को किवाड़ों पर भीतर से अर्गला देकर बन्द किया जाता था। शान्त्याचार्य ने गोपुर शब्द के द्वारा अर्गला—कपाट का सूचन किया है। अर्गला शब्द गोपुर का सूचक है।

२६. त्रिगुप्त (तिगुत्तं)

त्रिगुप्त प्राकार का विशेषण है। इसके अठारहवें श्‍लोक में अट्टालग, उस्सूलग और सयग्घी—इन तीनों शब्दों का संग्रह किया गया है। इनके द्वारा जैसे प्राकार सुरक्षित होता है वैसे ही मन, वचन और काया की गुप्तियों से क्षमा अथवा सहिष्णुता रूपी प्राकार सुरक्षित होता है।

२७. ईर्यापथ (इरियं)

चूर्णि और वृत्ति में ईर्या का अर्थ ईर्यासमिति किया गया है। किन्तु पराक्रम और धृति—इन दोनों के साथ ईर्यासमिति की कोई संगति नहीं है। इसलिए यहां ईर्या का अर्थ—ईर्यापथ—जीवन की समग्रचर्या होना चाहिए। बौद्ध साहित्य में 'ईर्यापथ' इसी अर्थ में व्यवहृत है।

२८. मूठ (केयणं)

धनुष के मध्य भाग में जो काठ की मुष्ठि होती है, उसे 'केतन' कहा जाता है।

२९.वर्द्धमानगृह (वद्धमाणगिहाणि)

चूर्णि और टीका में इसका स्पष्ट अर्थ नहीं है। मोनियर मोनियर-विलियम्स ने इसका अर्थ 'वह घर जिसमें दक्षिण की ओर द्वार न हो' किया है। मत्स्यपुराण का भी यही अभिमत है। वास्तुसार में घरों के चौसठ प्रकार बतलाए हैं। उनमें तीसरा प्रकार वर्धमान है। जिसके दक्षिण दिशा में मुखवाली गावी शाला हो, उसे वर्धमान कहा है।

डॉ० हरमन जेकोबी ने वराहमिहिर की संहिता (५३।३६) के आधार पर माना है कि यह समस्त गृहों में सुन्दर होता है। वर्धमान गृह धनप्रद होता है।

३०. चन्द्रशाला (बालग्गपोइयाओ)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ 'वलभी' है। वलभी के अनेक अर्थ हैं। यहां इसका अर्थ चन्द्रशाला या जलाशय में निर्मित लघु प्रासाद है।

३१. (श्‍लोक २६)

इस श्‍लोक में राजर्षि ने कहा—''यह घर एक पथिक का विश्रामालय है। जहां मुझे जाना है वह स्थान अभी दूर है। पर मुझे दृढ़ विश्‍वास है कि मैं वहां पहुंच जाऊंगा और वहां पहुंच कर ही मैं अपना घर बनाऊंगा। जिस व्यक्ति को यह संशय होता है कि मैं अपने अभीष्ट स्थान पर पहुंच सकूंगा या नहीं, वही मार्ग में घर बनाता है।''

राजर्षि ने कहा—''मुझे मुक्ति-स्थान में जाना है। वहां पहुंचने के साधन सम्यक्-दर्शन आदि मुझे प्राप्त हो चुके हैं। मैं उनके सहारे गन्तव्य की ओर प्रयाण कर चुका हूं। फिर मैं यहां किसलिए घर बनाऊं?''

शान्त्याचार्य ने 'सासय' के संस्कृत रूप 'स्वाश्रय' और 'शाश्‍वत' किए हैं। स्वाश्रय अर्थात् अपना घर शाश्‍वत अर्थात् नित्य। यहां ये दोनों अर्थ प्रकरणानुसारी हैं।

३२. (श्‍लोक २८)

इस श्‍लोक में आमोष, लोमहार, ग्रन्थि-भेद और तस्कर—ये चार शब्द विभिन्न प्रकारों से धन चुराने वाले व्यक्तियों के वाचक हैं। तस्कर का अर्थ 'चोर' है। शेष तीन शब्दों के अर्थ चूर्णि और टीका में समान नहीं हैं। चूर्णि के अनुसार आमोष का अर्थ 'पंथ-मोषक—वटमार, राह में लूट लेने वाला' है। लोमहार का अर्थ 'पेल्लणमोषक' है। यहां पेल्लण का संस्कृत रूप सम्भवत: पीडन है। पीडनमोषक अर्थात् पीड़ा पहुंचा कर लूटने वाला। सूत्रकृतांग की चूर्णि के अनुसार लोमहार का अर्थ है—गुप्त रहकर चोरी करने वाला, लूटने वाला। जो युक्तिसुवर्ण—यौगिक या नकली सोना बनाकर तथा इसी कोटि के दूसरे कार्यों द्वारा लोगों को ठगता है, उसे ग्रन्थि-भेदक कहा जाता है। टीका में आमोष की केवल व्युत्पत्ति दी गई है। लोमहार का अर्थ 'मारकर सर्वस्व का अपहरण करने वाला' तथा ग्रन्थि-भेदक का अर्थ 'गिरह-कट' किया है।

प्रस्तुत लोक में आमोष आदि को द्वितीया विभक्ति का बहुवचन मानकर जहां व्याख्या की है, वहां 'उत्साद्य' का अध्याहार किया है और वैकल्पिक रूप में सप्तमी का एक वचन मानकर भी व्याख्या की है। आमोष आदि का उत्सादन कर—निग्रहकर अथवा आमोष आदि के होते हुए नगर जो अशान्त है, उसे शान्त बना, तुम मुनि बन जाना।

३३. (श्‍लोक ३०)

इस श्‍लोक में राजर्षि ने वस्तुस्थिति का मर्मोद्घाटन किया है। उन्होंने कहा—''मनुष्य में अज्ञान, अहंकार आदि दोष होते हैं। उनके वशीभूत होकर वह निरपराध को भी अपराधी की भांति दण्डित करता है और अज्ञानवश या घूस लेकर अपराधी को भी छोड़ देता है। अज्ञानी, अहंकारी और लालची मनुष्य मिथ्यादण्ड का प्रयोग करता है। इससे नगर का क्षेम नहीं हो सकता।''

'मिच्छादंडो' मिथ्या का अर्थ 'झूठा' और दण्ड का अर्थ 'देश-निष्कासन व शारीरिक यातना आदि देना' है।

३४. सुख पाता है (सुहमेहए)

'एध' धातु अकर्मक है। इसका अर्थ है—'वृद्धि होना।' धातु अनेकार्थक होते हैं, इस न्याय से इसका अर्थ 'प्राप्त करना' भी होता है। 'सुहमेहए' अर्थात् सुख को प्राप्त करता है। इसका वैकल्पिक अर्थ है—शुभ को बढ़ाता है।

३५. (श्‍लोक ३८)

ब्राह्मण-परम्परा में यज्ञ करना, ब्राह्मणों को भोजन कराना और दान देना—इनका महत्त्वपूर्ण स्थान रहा है। जैन-आगमों में इनका पूर्व-पक्ष के रूप में कई स्थानों पर उल्लेख हुआ है। देखें—उत्तराध्ययन, १४।९; सूत्रकृतांग, २।६।२९।

३६. (श्‍लोक ४०)

ब्राह्मण ने राजर्षि के सामने यज्ञ, ब्राह्मण-भोजन, दान और भोग-सेवन—ये चार प्रश्‍न उपस्थित किये थे। राजर्षि ने उनमें से केवल एक दान के प्रश्‍न का उत्तर दिया, शेष प्रश्‍नों के उत्तर इसी में गर्भित हैं।

शान्त्याचार्य ने लिखा है कि गो-दान सबसे अधिक प्रचलित है, इसलिए उसे प्रधानता दी है। यह यज्ञ आदि का उपलक्षण है। इस श्‍लोक में संयम को श्रेय कहा है। यज्ञ आदि प्रेय हैं, सावद्य हैं, यह स्वयं फलित हो जाता है। टीकाकार के शब्दों में—''यज्ञ इसलिए सावद्य है कि उसमें पशु-वध होता है, स्थावर जीवों की भी हिंसा होती है। साधु को उसके योग्य अशन-पान और धर्मोपकरण दिए जाते हैं, वह धर्म-दान है। इसके अतिरिक्त जो सुवर्ण-दान, गो-दान, भूमि-दान आदि हैं वे प्राणियों के विनाश के हेतु हैं इसलिए सावद्य हैं और भोग तो सावद्य हैं ही।''

प्रतिवादी ने कहा—यज्ञ, दान आदि प्राणियों के प्रीतिकर हैं, इसलिए वे सावद्य नहीं हैं। आचार्य ने कहा—यह हेतु सही नहीं है। जो सावद्य है वह प्राणियों के लिए प्रीतिकर नहीं होता, जैसे—हिंसा आदि। यज्ञ आदि सावद्य हैं, इसलिए वे प्रीतिकर नहीं हैं।

३७. पौषध में रत (पोसहरओ)

जो अनुष्ठान धर्म की पुष्टि करता है वह पौषध कहलाता है। यह पर्वतिथियों—अष्टमी, चतुर्दशी, पूर्णिमा, अमावस्या में तपस्यापूर्वक किया जाने वाला अनुष्ठान विशेष है। आससेन ने कहा है—

'सर्वेष्वपि तपोयोग: प्रशस्त: कालपर्वसु।

अष्टम्यां पञ्चदश्यां च, नियतं पोषधं वसेत्।।'

विशेष विवरण के लिए देखें—५।२३ पोसहं दुहओपक्खं।

३८. (श्‍लोक ४२)

ब्राह्मण परम्परा में संन्यास की अपेक्षा गृहास्थाश्रम का अधिक महत्त्व रहा है। महाभारत में बताया गया है कि जो शील और सदाचार से विनीत है, जिसने अपनी इन्द्रियों को काबू में कर रखा है, जो सरलतापूर्वक बर्ताव करता है और समस्त प्राणियों का हितैषी है, जिसको अतिथि प्रिय है, जो क्षमाशील है, जिसने धर्मपूर्वक धन का उपार्जन किया है—ऐसे गृहस्थ के लिए अन्य आश्रमों की क्या आवश्यकता? जैसे सभी जीव माता का सहारा लेकर जीवन धारण करते हैं, उसी प्रकार सभी आश्रम गृहस्थ-आश्रम का आश्रय लेकर ही जीवन यापन करते हैं। महर्षि मनु ने भी गृही को 'ज्येष्ठाश्रम' कहा है। उसकी ज्येष्ठता इसलिए है कि शेष तीनों आश्रमों को वही धारण करता है। इस गुरुतम उत्तरदायित्व की मान्यता को ध्यान में रखकर सूत्रकार ने गार्हस्थ्य के लिए 'घोराश्रम' शब्द का प्रयोग किया है। चूर्णिकार ने इस भावना को अभिव्यक्त करते हुए लिखा है कि प्रव्रज्या का पालन करना सरल है, किन्तु गृहस्थाश्रम चलाना बहुत कठिन है क्योंकि शेष सब आश्रम वाले उसी पर निर्भर रहते हैं।

चूर्णिकार ने जो 'तर्कयन्ति' का प्रयोग किया है, वह सहज ही 'तर्कयन्ति गृहाश्रमम्' महाभारत के इस चरण की याद दिला देता है। आगमकार भी गृहस्थ को श्रमण के जीवन का आश्रयदाता मानते हैं। फिर भी जैन-परम्परा में श्रमण की अपेक्षा गृहस्थाश्रम का स्थान बहुत निम्‍न है। मैं घर को छोड़ कर कब श्रमण बनूं—यह गृहस्थ का पहला मनोरथ है।

३९. कुश की नोक पर टिके उतना-सा आहार (कुसग्गेण तु भुंजए)

इसके दो अर्थ होते हैं—जितना कुश के अग्र-भाग पर टिके उतना खाता है—यह एक अर्थ है। दूसरा अर्थ है—कुश के अग्र भाग से ही खाता है, अंगुली से उठा कर नहीं खाता। पहले का आशय एक बार खाने से है और दूसरे का कई बार खाने से। मात्रा की अल्पता दोनों में है।

४०. सु-आख्यात धर्म (सुयक्खायधम्मस्स)

स्थानांग (३।५०७) के अनुसार सुअधीत, सुध्यात और सुतपस्यित धर्म स्वाख्यात कहलाता है। इन तीनों का पौर्वापर्य है। जब धर्म सुअधीत होता है, तब वह सुध्यात होता है। जब वह सुध्यात होता है, तब वह सुतपस्यित होता है। इन तीनों की संयुति ही स्वाख्यात धर्म है।

वृत्तिकार का अभिमत यह है—भगवान् ने समस्त पापपूर्ण प्रवृत्तियों की विरति को 'धर्म' कहा है, इसलिए उनका धर्म सु-आख्यात है। इसकी समग्रता से आराधना करने वाला स्वाख्यातधर्मा मुनि होता है।

४१. (श्‍लोक ४४)

ब्राह्मण ने कहा—'धर्मार्थी-पुरुष को घोर अनुष्ठान करना चाहिए। संन्यास की अपेक्षा गृहस्थाश्रम घोर है, इसलिए उसे छोड़कर संन्यास में जाना उचित नहीं।'

इसके उत्तर में राजर्षि ने कहा—'घोर होने मात्र से कोई वस्तु श्रेष्ठ नहीं होती। बाल अर्थात् गृहस्थ-आश्रम में रहने वाला घोर तप करके भी सर्व-सावद्य की विरति करने वाले मुनि की तुलना में नहीं आता, उसके सोलहवें भाग का भी स्पर्श नहीं करता।' धर्मार्थी के लिए घोर अनुष्ठेय नहीं है। उसके लिए अनुष्ठेय है स्वाख्यात धर्म, भले फिर घोर हो या अघोर। गृहस्थाश्रम घोर होने पर भी स्वाख्यात-धर्म नहीं है, इसलिए उसे मैं जो छोड़ रहा हूं, वह अनुचित नहीं है।

४२. चांदी, सोना (हिरण्णं सुवण्णं)

हिरण्य शब्द चांदी और सोना—दोनों का वाचक है। चूर्णिकार ने हिरण्य का अर्थ 'चांदी' और सुवर्ण का अर्थ 'सोना' किया है। शान्त्याचार्य ने हिरण्य का अर्थ 'सोना' किया है। उनके अनुसार सुवर्ण हिरण्य का विशेषण है। सुवर्ण अर्थात् श्रेष्ठ-वर्ण वाला। वैकल्पिक रूप में हिरण्य का अर्थ गढ़ा हुआ सोना और सुवर्ण का अर्थ बिना गढ़ा हुआ सोना है। सुखबोधा और सर्वार्थसिद्धि में यही अभिमत है।

४३. पर्याप्त नहीं हैं (नालं)

अलं शब्द के तीन अर्थ हैं—पर्याप्त, वारण और भूषण। प्रस्तुत प्रसंग में चूर्णिकार ने अलं का अर्थ—पर्याप्त और वृत्तिकार ने समर्थ अर्थ किया है।

४४. (अब्भुदए.....संकप्पेण विहन्नसि)

शान्त्याचार्य ने 'अब्भुदए' का संस्कृत रूप 'अद्भुतकान्' कर इसे भोगों का विशेषण माना है। इसका अर्थ है आश्‍चर्यकारी भोगों को। विकल्प में उन्होंने इसका संस्कृत रूप 'अभ्युदये'—अभ्युदय काल में—माना है। प्रस्तुत प्रसंग में यही उपयुक्त व्याख्या है।

संकल्प का अर्थ है—उत्तरोत्तर भोग-प्राप्ति की तीव्र अभिलाषा। इसका कहीं अन्त नहीं आता। जैसे-जैसे भोगों की प्राप्ति होती रहती है, अभिलाषा आगे से आगे बढ़ती जाती है। कहा भी है—

'अमीषां स्थूलसूक्ष्माणामिन्द्रियार्थविधायिनाम्।

शक्रादयोऽपि नो तृप्तिं, विषयाणामुपागता:।।'

ऐसे संकल्प-विकल्पों के वशीभूत होकर मनुष्य निरंतर प्रताड़ित होता रहता है।

चूर्णिकार ने यहां असत्संकल्प का ग्रहण किया है। संकल्प-विकल्प की जटिलता से होने वाली हानि को सूचित करने वाली यह कथा है—

श्रेष्ठीपुत्र जंबूकुमार प्रव्रजित होने के लिए उत्कंठित है। उस समय उसकी नवोढा पत्‍नियां उसे समझाने का प्रयत्‍न करती हैं। समुद्रश्री नामक पत्‍नी ने जंबू को कहा—प्रिय! आप भी उस भोले किसान की भांति हैं जिसने इक्षु के लोभ में अपने खेत में उत्पन्न मोठ-बाजरे की फसल को उखाड़ दिया था। पानी के अभाव में इक्षु हुआ नहीं। वह दोनों से हाथ धो बैठा। वैसे ही आप भी मुक्ति-सुख के लोभ में इस ऐहिक सुख को छोड़ रहे हैं।

मरुप्रदेश में 'सुवरी' नामक एक गांव था। वहां बग नाम का किसान रहता था। एक बार वह अपने खेत में मोठ, बाजरी बोकर ससुराल गया। वहां ईख बहुत होते थे। ससुराल वालों ने दामाद के स्वागत में ईक्षुरस के मालपूए बनाए। उसे बहुत स्वादिष्ट लगे। भोजन के पश्‍चात् उसने अपने ससुर से ईक्षु बोने की विधि पूछी। उन्होंने ईक्षु बोने से लेकर मालपूए बनाने तक की सारी प्रक्रिया बता दी। ससुराल से आते समय वह बोने के लिए ईक्षुखंड भी ले आया। वह अपने गांव पहुंचा। मोठ-बाजरे की फसल अच्छी थी। उसने मोठ-बाजरे को उखाड़ फेंका। खेत साफ कर उसमें ईक्षु बो दिया। मरुप्रदेश में पानी है कहां! बिना पानी के ईक्षु की खेती होती नहीं। ईक्षु बोने का प्रयत्‍न व्यर्थ गया। उस खेत से उसे न मोठ-बाजरे की फसल ही प्राप्त हुई और न ईक्षु ही मिले। वह दोनों को खो बैठा। वह न इधर का रहा न उधर का—'नो हव्वाए नो पाराए।'

४५. कामभोग की इच्छा करने वाले (कामे पत्थेमाणा)

नमि राजर्षि ने कहा—इन्द्र! कामभोग की इच्छा करने वाले उनका सेवन न करने पर भी दुर्गति में जाते हैं तो भला, असद् भोगों की वांछा की, जो तुमने मेरे प्रति संभावना की है, वह सर्वथा असंगत है, क्योंकि मुमुक्षु व्यक्ति कहीं भी आकांक्षा नहीं करता। कहा भी है—'मोक्षे भवे च सर्वत्र नि:स्पृहो मुनिसत्तम:'—मुनि मोक्ष और संसार के प्रति सर्वथा निस्पृह होता है, इसलिए इंद्र! तुम्हारा कथन सार्थक नहीं है।

४६. (श्‍लोक ५३)

प्रस्तुत श्‍लोक में काम को शल्य, विष और आशीविष सर्प के तुल्य कहा गया है। काम की चुभन निरंतर बनी रहती है, इसलिए वह शल्य (अन्तर्व्रण) है। उसमें मारक-शक्ति है, इसलिए वह विष है। आशीविष सर्प वे होते हैं जिनकी दाढाओं में विष होता है। वे मणिधारी सर्प होते हैं। उनकी दीप्तमणि से विभूषित फण लोगों को सुंदर लगते हैं। लोग उन फणों का स्पर्श करने की इच्छा का संवरण नहीं कर पाते। ज्योंही वे उन सर्पों का स्पर्श करते हैं, तत्काल उनके द्वारा डसे जाने पर मृत्यु को प्राप्त कर लेते हैं। इसी प्रकार काम भी लुभावने होते हैं और प्राणी इनका सहज शिकार हो जाता है।

गीता में कहा है—जो व्यक्ति इन्द्रिय-विषयों का निरन्तर चिंतन करता रहता है, उसके मन में आसक्ति पैदा होती है। आसक्ति से काम-वासना उभरती है। उससे क्रोध, क्रोध से सम्मोह, सम्मोह से स्मृति-विभ्रम और स्मृति-विभ्रम से बुद्धि का नाश हो जाता है। बुद्धि नष्ट होने पर वह व्यक्ति नष्ट हो जाता है।

४७. (श्‍लोक ५४)

प्रस्तुत श्‍लोक में क्रोध, मान, माया और लोभ के परिणामों का प्रतिपादन है। जो व्यक्ति कामनाओं के वशीभूत होता है, प्राप्त भोगों में आसक्त होता है और अप्राप्त भोगों को सतत वांछा करता है, उसमें ये चारों कषाय अवश्य होते हैं। भोगों की वांछा के साथ इनका होना अनिवार्य है। ये चारों अधोगति के हेतु हैं।

यहां क्रोध से नरकगति, मान से अधम गति, माया से सुगति का विनाश अर्थात् दुर्गति की प्राप्ति और लोभ से ऐहिक तथा पारलौकिक दु:ख की प्राप्ति का उल्लेख है। अनुसंधान के लिए देखें—२९।४७-५०।

स्थानांग (४।६२९) में माया को तिर्यञ्चयोनि का कारण माना है।

आयुर्वेद में हृदय-दौर्बल्य, अरुचि, अग्‍निमांद्य आदि का मूल कारण लोभ माना है। यह व्यवहार संगत भी है। क्योंकि लोभी व्यक्ति सदा भयभीत रहता है, सत्य कहने या स्वीकारने में उसका हृदय निर्बल हो जाता है। निरंतर अर्थार्जन की बात सोचते रहने से उसमें अरुचि और अग्‍निमांद्य का होना स्वाभाविक है।

४८. मुकुट को धारण करने वाला (तिरीडी)

जिसके तीन शिखर हों उसे 'मुकुट' और जिसके चौरासी शिखर हों उसे 'किरीट' कहा जाता है। जिसके सिर पर किरीट हो वह 'किरीटी' कहलाता है।४ सामान्यतया मुकुट और किरीट पर्यायवाची माने जाते हैं।

४९. (नमी नमेइ अप्पाणं)

वृत्तिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—

१. राजर्षि नमि ने अपने उत्प्रेरित आत्मा को स्वतत्त्वभावना से प्रगुणित किया, किन्तु इन्द्र की स्तुति सुनकर गर्वित नहीं हुए।

२. इन्द्र की स्तुति सुनकर नमि ने अपने आपको संयम के प्रति और अधिक संलग्‍न कर दिया।

आचार्य नेमिचन्द्र ने यहां एक श्‍लोक प्रस्तुत किया है—

'संतगुणकित्तणेण वि, पुरिसा लज्जंति जे महासत्ता।

इयरे पुण अलियपसंसणे वि अंगे न मायंति।।'

५०. वैदेही (मिथिला) (वइदेही)

नमि विदेह जनपद के अधिपति थे, इसलिए उन्हें 'विदेही' कहा है। 'वइदेही' का दूसरा संस्कृत रूप 'वैदेही' है। विभक्ति का व्यत्यय माना जाए तो इसका अर्थ 'वैदेही' (मिथिला को) किया जा सकता है।

♦

दसवां अध्ययन : द्रुमपत्रक

10

दशवां अध्ययन : द्रुमपत्रक

आमुख

इस अध्ययन का नाम आद्य-पद (आदान-पद) 'दुमपत्तए' के आधार पर 'द्रुमपत्रक' रखा गया है।

कई कारणों से गौतम गणधर के मन में विचिकित्सा हुई। भगवान् महावीर ने उसका निराकरण करने के लिए इस अध्ययन का प्रतिपादन किया। निर्युक्तिकार तथा बृहद्वृत्तिकार ने यहां एक कथानक का उल्लेख किया है। उसका संक्षेप इस प्रकार है—

उस काल और उस समय पृष्ठचम्पा नाम की नगरी थी। वहां शाल नाम का राजा था और युवराज का नाम था महाशाल। उसके यशस्वती नाम की बहिन थी। उसके पति का नाम पिठर था। उसके एक पुत्र हुआ। उसका नाम गागली रखा गया। एक बार भगवान् महावीर राजगृह से विहार कर पृष्ठचम्पा पधारे। सुभूमि-भाग उद्यान में ठहरे। राजा शाल भगवान् की वन्दना करने गया। भगवान् से धर्म सुना और विरक्त हो गया। उसने भगवान् से प्रार्थना की—''भन्ते! मैं महाशाल का राज्याभिषेक कर दीक्षित होने के लिए अभी वापस आ रहा हूं।'' वह नगर में गया। महाशाल से सारी बात कही। उसने भी दीक्षा लेने की भावना व्यक्त की। वह बोला—''मैं आपके साथ ही प्रव्रजित होऊंगा।'' राजा ने अपने भानजे गागली को काम्पिल्यपुर से बुलाया और उसे राज्य का भार सौंप दिया। गागली अब राजा हो गया। उसने अपने माता-पिता को भी वहीं बुला लिया। इधर शाल और महाशाल भगवान् के पास दीक्षित हो गए। यशस्वती भी श्रमणोपासिका हुई। उन दोनों श्रमणों ने ग्यारह अंगों का अध्ययन किया।

भगवान् महावीर पृष्ठचम्पा से विहार कर राजगृह गए। वहां से विहार कर चम्पा पधारे। शाल और महाशाल भगवान् के पास आए और प्रार्थना की—''यदि आपकी अनुज्ञा हो तो हम पृष्ठचम्पा जाना चाहते हैं। सम्भव है किसी को प्रतिबोध मिले और कोई सम्यग्दर्शी बने।'' भगवान् ने अनुज्ञा दी और गौतम के साथ उन्हें वहां भेजा। वे पृष्ठचम्पा गए। वहां के राजा गागली और उसके माता-पिता को दीक्षित कर वे पुन: भगवान् महावीर के पास आ रहे थे। मार्ग में चलते-चलते मुनि शाल और महाशाल के अध्यवसायों की पवित्रता बढ़ी और वे केवली हो गए। गागली और उसके माता-पिता—तीनों को केवलज्ञान हुआ। सभी भगवान् के पास पहुंचे। गौतम ने भगवान् की वन्दना की और उन सबको वन्दना करने के लिए कहा। भगवान् ने गौतम को सम्बोधित कर कहा—''गौतम! केवलियों की आशातना मत करो।'' गौतम ने उनसे क्षमा-याचना की, पर मन शंकाओं से भर गया। उन्होंने सोचा—''मैं सिद्ध नहीं होऊंगा।''

एक बार गौतम अष्टापद पर्वत पर गए। वहां पहले से ही तीन तापस अपने-अपने पांच-पांच सौ शिष्यों के परिवार से तप कर रहे थे। उनके नाम थे कौडिन्य, दत्त और शैवाल।

दत्त बेले-बेले की तपस्या करता। वह नीचे पड़े पीले पत्ते खा कर रहता था। वह अष्टापद की दूसरी मेखला तक ही चढ़ पाया।

कौडिन्य उपवास-उपवास की तपस्या करता और पारणे में मूल, कन्द आदि सचित्त आहार करता था। वह अष्टापद पर्वत पर चढ़ा किन्तु एक मेखला से आगे नहीं जा सका।

शैवाल तेले-तेले की तपस्या करता था। वह सूखी शैवाल (सेवार) खाता था। वह अष्टापद की तीसरी मेखला तक ही चढ़ सका।

गौतम आए। तापस उन्हें देख परस्पर कहने लगे—''हम महातपस्वी भी ऊपर नहीं जा सके, तो यह कैसे जाएगा?'' गौतम ने जंघाचरण-लब्धि का प्रयोग किया और मकड़ी के जाले का सहारा ले पर्वत पर चढ़ गये। तापसों ने आश्‍चर्य भरी आंखों से यह देखा और वे अवाक् रह गए। उन्होंने मन ही मन यह निश्‍चय कर लिया कि ज्योंही मुनि नीचे उतरेंगे, हम उनका शिष्यत्व स्वीकार कर लेंगे। गौतम ने रात्रिवास पर्वत पर ही किया। जब सुबह वे नीचे उतरे, तब तापसों ने उनका रास्ता रोकते हुए कहा—''हम आपके शिष्य हैं और आप हमारे आचार्य।'' गौतम ने कहा—''तुम्हारे और हमारे आचार्य त्रैलोक्य गुरु भगवान् महावीर हैं।'' तापसों ने साश्‍चर्य पूछा—''तो क्या आपके भी आचार्य हैं?'' गौतम ने भगवान् के गुणगान किए और सभी तापसों को प्रव्रजित कर भगवान् की दिशा में चल पड़े। मार्ग में भिक्षा-वेला के समय भोजन करते-करते शैवाल तथा उसके सभी शिष्यों को केवलज्ञान प्राप्त हो गया। दत्त तथा उसके शिष्यों को छत्र आदि अतिशय देख कर केवलज्ञान हुआ। कौडिन्य तथा उसके शिष्यों को भगवान् महावीर को देखते ही केवलज्ञान हो गया। गौतम इस स्थिति से अनभिज्ञ थे। सभी भगवान् के पास आए। गौतम ने वंदना की, स्तुति की। वे सभी तापस मुनि केवली परिषद् में चले गए। गौतम ने उन्हें भगवान् की वन्दना करने के लिए कहा। भगवान् ने कहा—''गौतम! केवलियों की आशातना मत करो।'' गौतम ने 'मिच्छामि दुक्कडं' लिया।

गौतम का धैर्य टूट गया। भगवान् ने उनके मन की बात जान ली। उन्होंने कहा—''गौतम! देवताओं का वचन प्रमाण है या जिनवर का?''

गौतम ने कहा—''भगवन्! जिनवर का वचन प्रमाण है।''

भगवान् ने कहा—''गौतम! तू मुझ से अत्यन्त निकट है, चिर-संसृष्ट है। तू और मैं—दोनों एक ही अवस्था को प्राप्त होंगे। दोनों में कुछ भी भिन्नता नहीं रहेगी।'' भगवान् ने गौतम को सम्बोधित कर 'दुमपत्तए' (द्रुमपत्रक) अध्ययन कहा।

इस अध्ययन के प्रत्येक श्‍लोक के अन्त में 'समयं गोयम! मा पमायए' है। निर्युक्ति (गा० ३०६) में 'तण्णिस्साए भगवं सीसाणं देइ अनुसट्ठिं'—यह पद है। इसका तात्पर्य है कि भगवान् महावीर गौतम को सम्बोधित कर उनकी निश्राय में, अन्य सभी शिष्यों को अनुशासन—शिक्षा देते हैं।

दशवैकालिक निर्युक्ति गाथा ७८ में 'निश्रावचन' का उदाहरण यही अध्ययन है। इसकी चर्चा आवश्यक निर्युक्ति में भी मिलती है।

इस अध्ययन में जीवन की अस्थिरता, मनुष्य भव की दुर्लभता, शरीर तथा इन्द्रिय बल की उत्तरोत्तर क्षीणता, स्‍नेहापनयन की प्रक्रिया, वान्त भोगों को पुन: स्वीकार न करने की शिक्षा आदि-आदि का सुन्दर चित्रण है।

दसमं अज्झयणं : दुमपत्तयं

दशवां अध्ययन : द्रुमपत्रक

मूल

१. दुमपत्तए पंडुयए जहा, निवडइ राइगणाण अच्चए।

एवं मणुयाण जीवियं, समयं गोयम! मा पमायए।।

हिन्‍दी अनुवाद

रात्रियां बीतने पर वृक्ष का पका हुआ पत्ता१ जिस प्रकार गिर जाता है, उसी प्रकार मनुष्य का जीवन एक दिन समाप्त हो जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२. कुसग्गे जह ओसबिंदुए, थोवं चिट्ठइ लंबमाणए।

एवं मणुयाण जीवियं, समयं गोयम! मा पमायए।।

कुश२ की नोक पर लटकते हुए ओस-बिन्दु की अवधि जैसे थोड़ी होती है वैसे ही मनुष्य जीवन की गति है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३. इइ इत्तरियम्मि आउए, जीवियए बहुपच्चवायए।

विहुणाहि रयं पुरे कडं, समयं गोयम! मा पमायए।।

यह आयुष्य क्षणभंगुर३ है, यह जीवन विघ्नों से भरा हुआ४ है, इसलिए हे गौतम! तू पूर्व संचित कर्म-रज को प्रकम्पित कर और क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

४. दुलहे खलु माणुसे भवे, चिरकालेण वि सव्वपाणिणं।

गाढा य विवाग कम्मुणो, समयं गोयम! मा पमायए।।

सब प्राणियों को चिरकाल तक भी मनुष्य-जन्म मिलना दुर्लभ है। कर्म के विपाक तीव्र होते हैं५, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

५. पुढविक्कायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखाईयं, समयं गोयम! मा पमायए।।

पृथ्वीकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक असंख्य काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

६. आउक्कायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखाईयं, समयं गोयम! मा पमायए।।

अप्काय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक असंख्य काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

७. तेउक्कायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखाईयं, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेजस्काय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक असंख्य काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

८. वाउक्कायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखाईयं, समयं गोयम! मा पमायए।।

वायुकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक असंख्य काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

९. वणस्सइकायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालमणंतदुरंतं, समयं गोयम! मा पमायए।।

वनस्पतिकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक दुरन्त अनन्त काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१०. बेइंदियकायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखिज्जसण्णियं, समयं गोयम! मा पमायए।।

द्वीन्द्रियकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक संख्येय काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

११. तेइंदियकायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखिज्जसण्णियं, समयं गोयम! मा पमायए।।

त्रीन्द्रियकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक संख्येय काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१२. चउरिंदियकायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

कालं संखिज्जसण्णियं, समयं गोयम! मा पमायए।।

चतुरिन्द्रिकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक संख्येय काल तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१३. पंचिंदियकायमइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

सत्तट्ठभवग्गहणे, समयं गोयम! मा पमायए।।

पंचेन्द्रियकाय में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक सात-आठ जन्म-ग्रहण तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१४. देवे नेरइए य अइगओ, उक्कोसं जीवो उ संवसे।

इक्किक्कभवग्गहणे, समयं गोयम! मा पमायए।।

देव और नरक-योनि में उत्पन्न हुआ जीव अधिक से अधिक एक-एक जन्म-ग्रहण तक वहां रह जाता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।६

१५. एवं भवसंसारे, संसरइ सुहासुहेहि कम्मेहिं।

जीवो पमायबहुलो, समयं गोयम! मा पमायए।।

इस प्रकार प्रमाद-बहुल जीव शुभ-अशुभ कर्मों द्वारा जन्म-मृत्युमय संसार में परिभ्रमण करता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।७

१६. लद्धूण वि माणुसत्तणं, आरिअत्तं पुणरावि दुल्लहं।

बहवे दसुया मिलेक्खुया, समयं गोयम! मा पमायए।।

मनुष्य-जन्म दुर्लभ है, उसके मिलने पर भी आर्यत्व८ और भी दुर्लभ है। बहुत से लोग मनुष्य होकर भी दस्यु और म्लेच्छ९ होते हैं, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१७. लद्धूण वि आरियत्तणं, अहीणपंचिंदियया हु दुल्लहा।

विगलिंदियया हु दीसई, समयं गोयम! मा पमायए।।

आर्य देश में जन्म मिलने पर भी पांचों इन्द्रियों से पूर्ण स्वस्थ होना दुर्लभ है। बहुत से लोग इन्द्रियहीन१० दीख रहे हैं, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१८. अहीणपंचिंदियत्तं पि से लहे, उत्तमधम्मसुई हु दुल्लहा।

कुतित्थिनिसेवए जणे, समयं गोयम! मा पमायए।।

पांचों इन्द्रियां पूर्ण स्थान होने पर भी उत्तम धर्म११ की श्रुति दुर्लभ है। बहुत सारे लोग कुतीर्थिकों१२ की सेवा करने वाले होते हैं, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

१९. लद्धूण वि उत्तमं सुइं, सद्दहणा पुणरावि दुल्लहा।

मिच्छत्तनिसेवए जणे, समयं गोयम! मा पमायए।।

उत्तम धर्म की श्रुति मिलने पर भी श्रद्धा होना और अधिक दुर्लभ है। बहुत सारे लोग मिथ्यात्व का सेवन करने वाले होते हैं, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२०. धम्मं पि हु सद्दहंतया, दुल्लहया काएण फासया।

इह कामगुणेहि मुच्छिया, समयं गोयम! मा पमायए।।

उत्तम धर्म में श्रद्धा होने पर भी उसका आचरण करने वाले दुर्लभ हैं। इस लोक में बहुत सारे कामगुणों में मूर्च्छित१३ होते हैं, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२१. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से सोयबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है,१४ केश सफेद हो रहे हैं और श्रोत्र का पूर्ववर्ती बल क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२२. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से चक्खुबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है, केश सफेद हो रहे हैं और चक्षु का पूर्ववर्ती बल क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२३. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से घाणबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है, केश सफेद हो रहे हैं और घ्राण का पूर्ववर्ती बल क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२४. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से जिब्भबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है, केश सफेद हो रहे हैं और जीह्वा का पूर्ववर्ती बल क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२५. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से फासबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है, केश सफेद हो रहे हैं और स्पर्श का पूर्ववर्ती बल क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।१५

२६. परिजूरइ ते सरीरयं, केसा पंडुरया हवंति ते।

से सव्वबले य हायई, समयं गोयम! मा पमायए।।

तेरा शरीर जीर्ण हो रहा है, केश सफेद हो रहे हैं और सब प्रकार का पूर्ववर्ती बल१६ क्षीण हो रहा है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२७. अरई गंडं विसूइया, आयंका विविहा फुसंति ते।

विवडइ विद्धंसइ ते सरीरयं, समयं गोयम! मा पमायए।।

पित्त-रोग,१७ फोड़ा-फुन्सी, हैजा१८ और विविध प्रकार के शीघ्रघाती रोग शरीर का स्पर्श करते हैं जिनसे यह शरीर शक्तिहीन और विनष्ट होता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

२८. वोछिंद सिणेहमप्पणो, कुमुयं सारइयं व पाणियं।

से सव्वसिणेहवज्जिए, समयं गोयम! मा पमायए।।

जिस प्रकार शरद ऋतु का कुमुद (रक्त-कमल) जल में लिप्त नहीं होता, उसी प्रकार तू अपने स्‍नेह का विच्छेद कर निर्लिप्त बन। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।१९

२९. चिच्चाण धणं च भारियं, पव्वइओ हि सि अणगारियं।

मा वंतं पुणो वि आइए, समयं गोयम! मा पमायए।।

गाय आदि धन और पत्‍नी का त्याग कर तू अनगार-वृत्ति के लिए घर से निकला है। वमन किए हुए काम-भोगों को फिर से मत पी। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३०. अवउज्झिय मित्तबंधवं, विउलं चेव धणोहसंचयं।

मा तं बिइयं गवेसए, समयं गोयम! मा पमायए।।

मित्र, बान्धव और विपुल धन-राशि को छोड़कर फिर से उनकी गवेषणा मत कर। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३१. न हु जिणे अज्ज दिस्सई, बहुमए दिस्सई मग्गदेसिए।

संपइ नेयाउए पहे, समयं गोयम! मा पमायए।।

''आज जिन नहीं दीख रहे हैं, जो मार्ग-दर्शक हैं वे एकमत नहीं हैं''—अगली पीढ़ियों को इस कठिनाई का अनुभव होगा, किन्तु अभी मेरी उपस्थिति में तुझे पार ले जाने वाला पथ प्राप्त है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।२०

३२. अवसोहिय कंटगापहं, ओइण्णो सि पहं महालयं।

गच्छसि मग्गं विसोहिया, समयं गोयम! मा पमायए।।

कांटों से भरे मार्ग को छोड़ कर तू विशाल पथ पर चला आया है।२१ दृढ़ निश्‍चय के साथ२२ उसी मार्ग पर चल। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३३. अबले जह भारवाहए, मा मग्गे विसमेऽवगाहिया।

पच्छा पच्छाणुतावए, समयं गोयम! मा पमायए।।

बलहीन भार-वाहक की भांति तू विषम-मार्ग में मत चले जाना। विषम मार्ग में जाने वाले को पछतावा होता है, इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।२३

३४. तिण्णो हु सि अण्णवं महं, किं पुण चिट्ठसि तीरमागओ।

अभितुर पारं गमित्तए, समयं गोयम! मा पमायए।।

तू महान् समुद्र को तैर गया, अब तीर के निकट पहुंच कर क्यों खड़ा है?२४ उसके पार जाने के लिए जल्दी कर। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।२५

३५. अकलेवरसेणिमुस्सिया, सिद्धिं गोयम! लोयं गच्छसि।

खेमं च सिवं अणुत्तरं, समयं गोयम! मा पमायए।।

हे गौतम! तू क्षपक-श्रेणी पर२६ आरूढ़ होकर उस सिद्धिलोक को प्राप्त होगा, जो क्षेम, शिव और अनुत्तर है। इसलिए हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३६. बुद्धे परिनिव्वुडे चरे, गामगए नगरे व संजए।

संतिमग्गं च बूहए, समयं गोयम! मा पमायए।।

तू गांव में या नगर में संयत, बुद्ध और उपशान्त होकर विचरण कर, शांतिमार्ग को२७ बढ़ा। हे गौतम! तू क्षण भर भी प्रमाद मत कर।

३७. बुद्धस्स निसम्म भासियं, सुकहियमट्ठपओवसोहियं।

रागं दोसं च छिंदिया, सिद्धिगइं गए गोयमे।।

अर्थपद (शिक्षापद) से२८ उपशोभित एवं सुकथित भगवान् की वाणी को सुनकर राग और द्वेष का छेदन कर गौतम सिद्धिगति को प्राप्त हुए।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १० : द्रुमपत्रक

१. वृक्ष का पका हुआ पत्ता (दुमपत्तए पंडुयए)

जीवन की नश्‍वरता को पके हुए द्रुम-पत्र की उपमा से समझाया गया है। निर्युक्तिकार ने यहां पके हुए पत्र और कोंपल का एक उद्बोधक संवाद प्रस्तुत किया है। पके हुए पत्र ने किसलयों से कहा—''एक दिन हम भी वैसे ही थे, जैसे कि तुम हो और एक दिन तुम भी वैसे ही हो जाओगे, जैसे कि हम हैं।''

अनुयोगद्वार में इस कल्पना को और अधिक सरस रूप दिया गया है। पके हुए पत्तों को गिरते देख कोंपलें हंसीं। तब पत्तों ने कहा—''जरा ठहरो, एक दिन तुम पर भी वही बीतेगी, जो आज हम पर बीत रही है।''

तुलना—

पान पड़ंतो देख नै, हंसी रे कोंपलियां।

मों बीती तों बीतसी, धीरी रह बापडियां।।

जैसे वृन्त से टूटते हुए पीले पत्ते ने किसलयों को मर्म की बात कही, वैसे ही जो पुरुष यौवन से मत्त होते हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए—

परिभवसि किमिति लोकं, जरसा परिजर्जरीकृतशरीरम्।

अचिरात् त्वमपि भविष्यसि, यौवनगर्वं किमुद्वहसि?

'पंडुयए'—इसका शाब्दिक अर्थ—सफेद-पीला या सफेद रंग है। वृक्ष का पत्ता पकने पर इस रंग का हो जाता है। इसके दो कारण हैं—(१) काल का परिपाक (२) किसी रोग-विशेष का आक्रमण। पंडुयए का भावानुवाद 'पका हुआ' किया गया है।

२. कुश (कुस)

यह दर्भजाति या तृणविशेष है। यह दर्भ से पतला होता है और इसकी नोंक तीखी होती है।

३. क्षणभंगुर (इत्तरियम्मि)

इत्वरिक का अर्थ है—अल्पकालिक। वर्तमान में सौ वर्ष की आयु मानी जाती है। यह सामान्य नियम है। विशेष रूप में वह अधिक भी हो सकती है।

४. विघ्नों से भरा हुआ (पच्चवायए)

प्रत्यपाय का अर्थ है—विघ्न। जीवन को घटाने या उसका उपघात करने वाले अनेक हेतु हैं। स्थानांग सूत्र में आयुष्य-भेद के सात कारण निर्दिष्ट हैं—

१. अध्यवसान—राग, स्‍नेह, भय आदि की तीव्रता।

२. निमित्त—शस्त्रप्रयोग आदि।

३. आहार—आहार की न्यूनाधिकता।

४. वेदना—नयन आदि की तीव्रतम वेदना।

५. पराघात—गड्ढे आदि में गिरना।

६. स्पर्श—सर्प आदि का स्पर्श।

७. आन-अपान—उच्छ्वास-नि:श्‍वास का निरोध।

५. कर्म के विपाक तीव्र होते हैं (गाढा य विवाग कम्मुणो)

गाढ के दो अर्थ हैं—चिकना और दृढ़। 'विवाग कम्मुणो'—कर्म का विपाक—यहां विशेष अर्थ का द्योतक है। इस वाक्यांश के द्वारा मनुष्यगति की विघातक प्रकृतियों का ग्रहण किया गया है। मनुष्यगति प्राप्त होना सुलभ नहीं है—यह इसका तात्पर्यार्थ है। जीव अन्यान्य जीव-निकायों में चिरकाल तक रह सकता है, किन्तु मनुष्य भव में उसकी स्थिति अल्प होती है, इसलिए उसकी प्राप्ति दुर्लभ मानी जाती है।

६. (श्‍लोक ५-१४)

जीव एक जन्म में जितने काल तक जीते हैं, उसे 'भव-स्थिति' कहा जाता है और मृत्यु के पश्‍चात् उसी जीव-निकाय के शरीर में उत्पन्न होने को 'काय-स्थिति' कहा जाता है। देव और नारकीय जीव मृत्यु के पश्‍चात् पुन: देव और नारक नहीं बनते। उनके 'भव-स्थिति' ही होती है, 'काय-स्थिति' नहीं होती। तिर्यंच और मनुष्य मृत्यु के पश्‍चात् पुन: तिर्यंच और मनुष्य बन सकते हैं इसलिए उनके 'काय-स्थिति' भी होती है। पृथ्वी, पानी, अग्‍नि और वायु के जीव लगातार असंख्य अवसर्पिणी-उत्सर्पिणी परिमित काल तक अपने-अपने स्थानों में जन्म लेते रहते हैं। वनस्पतिकाय के जीव अनंत काल तक वनस्पतिकाय में ही रह जाते हैं। दो, तीन और चार इन्द्रिय वाले जीव हजारों-हजारों वर्षों तक अपने-अपने निकायों में जन्म ले सकते हैं। पांच इन्द्रिय वाले जीव लगातार एक सरीखे सात-आठ जन्म ले सकते हैं।

पांच इन्द्रिय वाले तिर्यंच जीवों की कायस्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त की और उत्कृष्टत: तीन पल्योपम पृथक् पूर्वकोटि की है। पृथक् पारिभाषिक शब्द है। इसका अर्थ है—दो से नौ तक। पृथक् पूर्वकोटि अर्थात् दो से नौ पूर्वकोटि तक। तीन पल्योपम का आयुष्य यौगलिक तिर्यंचों का होता है। इस दृष्टि से पांच इन्द्रिय वाले तिर्यंचों की उत्कृष्ट भवस्थिति एक कोटिपूर्व होने से सात भवों का कालमान सात कोटिपूर्व होता है। कोई तिर्यंच पंचेन्द्रिय जीव सात भव इस अवधि का करता है और आठवां भव तिर्यंच यौगलिक का करता है। कुल मिलाकर उसकी स्थिति तीन पल्य और सात कोटिपूर्व की हो जाती है।

७. (श्‍लोक १५)

जीव जो संसार में परिभ्रमण करता है, उसका हेतु बन्धन है। शुभ और अशुभ दोनों प्रकार के कर्म जीव को बांधे हुए रहते हैं। ये बन्धन टूटते हैं तब जीव मुक्त हो जाते हैं। इस श्‍लोक में संसार के हेतु का वर्णन है। बन्धन के इन दोनों प्रकारों और उनका नाश होने पर मुक्त होने का सिद्धान्त गीता में भी मिलता है।

८. आर्यत्व (आरियत्तं)

आर्य नौ प्रकार के बतलाए गए हैं—

१. क्षेत्र आर्य

२. जाति आर्य

३. कुल आर्य

४. कर्म आर्य

५. शिल्प आर्य

६. भाषा आर्य

७. ज्ञान आर्य

८. दर्शन आर्य

९. चारित्र आर्य।

प्रस्तुत प्रकरण में क्षेत्र की दृष्टि से आर्यत्व विवक्षित है। चूर्णिकार का अभिमत भी यही है। क्षेत्रार्य की परिभाषा समय-समय पर बदलती रही है। प्रज्ञापना में क्षेत्रार्य का एक वर्गीकरण मिलता है। उसके अनुसार मगध, अंग, बंग आदि साढ़े पचीस देश क्षेत्रार्य माने गए हैं—

१. मगध

२. अंग

३. बंग

४. कलिंग

५. काशी

६. कौशल

७. कुरु

८. कुशावर्त

९. पांचाल

१०. जांगल

११. सौराष्ट्र

१२. विदेह

१३. वत्स

१४. शांडिल्य

१५. मलय

१६. मत्स्य

१७. वरणा

१८. दशार्ण

१९. चेदि

२०. सिंधु-सौवीर

२१. शूरसेन

२२. भंगि

२३. वट्ट

२४. कुणाल

२५. लाढ

२५1/2 अर्ध कैकय।

९. दस्यु और म्लेच्छ (दसुया मिलेक्खुया)

दस्यु का अर्थ है देश की सीमा पर रहने वाला चोर।

मिलेक्खु का अर्थ 'म्लेच्छ' है। सूत्रकृतांग में 'मिलक्खु' और अभिधानप्पदीपिका में 'मिलक्ख' शब्द मिलता है। यहां एकार अधिक है। यह शब्द संस्कृत के म्लेच्छ शब्द का रूपान्तर नहीं, किन्तु मूलत: प्राकृत भाषा का है।

जिसकी भाषा अव्यक्त होती है, जिसका कहा हुआ आर्य लोग नहीं समझ पाते, उन्हें म्लेच्छ कहा जाता है। वृत्तिकार ने शक, यवन, शबर आदि देशों में उत्पन्न लोगों को म्लेच्छ कहा है। वे आर्यों की व्यवहार-पद्धति—धर्म-अधर्म, गम्य-अगम्य, भक्ष्य-अभक्ष्य—से भिन्न प्रकार का जीवन जीते थे, इसलिए आर्य लोग उन्हें हेय दृष्टि से देखते थे। आचार्य नेमिचन्द्र ने म्लेच्छ देशों के कुछेक नाम तथा म्लेच्छ लोगों के व्यवहार का निदर्शन किया है।

१०. इन्द्रियहीन (विगलिंदियया)

'विकलेन्द्रिय'—यह जीवों का एक वर्गीकरण है। इसमें द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय और चतुरिन्द्रिय जीवों का समाहार होता है। यहां विकलेन्द्रिय का प्रयोग इस पारिभाषिक अर्थ में नहीं है। इसका अर्थ है—इन्द्रियों की विकलता, आंख-कान आदि इन्द्रियों का अभाव। यह अभाव धर्म की आराधना में बाधक बनता है।

११. उत्तम धर्म (उत्तम धम्म.....)

चूर्णिकार ने सर्वज्ञ द्वारा प्रणीत धर्म को उत्तम धर्म माना है। वृत्तिकार ने उत्तम का अर्थ श्रेष्ठ किया है।

उमास्वाति ने दस यतिधर्मों के साथ उत्तम शब्द का प्रयोग किया है। क्षमा धर्म की प्रकृष्ट साधना का नाम उत्तम क्षमा धर्म है। इसी प्रकार मार्दव आदि धर्मों की प्रकृष्ट साधना होती है तो उनके साथ उत्तम शब्द का प्रयोग होता है।

१२. कुतीर्थिकों (कुतित्थि)

कुतीर्थिकों का अर्थ 'एकान्तदृष्टि वाला' और 'असत्य मंतव्य वाला दार्शनिक' है। वह जन-रुचि के अनुकूल उपदेश देता है इसीलिए उसकी सेवा करने वाले को उत्तम धर्म सुनने का अवसर ही नहीं मिलता।

१३. कामगुणों में मूर्च्छित (कामगुणेहिं मुच्छिया)

'कामगुण' का अर्थ है—इन्द्रियों के शब्द आदि विषय। गुण शब्द आयारो में भी विषय के अर्थ में प्रयुक्त है। जैसे मनुष्य पित्त आदि के प्रकोप से होने वाली मूर्च्छा से मूर्च्छित होकर लौकिक अपायों—दोषों का चिंतन नहीं कर पाता, वैसे ही मनुष्य इन्द्रिय-विषयों में मूर्च्छित होकर उसके परिणामों का चिन्तन नहीं करता हुआ दु:खी होता है।

आतुर व्यक्ति अपथ्य विषयों के प्रति आकर्षित होता है—

प्रायेण हि यदपथ्यं तदेव चातुरजनप्रियं भवति।

विषयातुरस्य जगतस्तथानुकूला: प्रिया विषया:।।

१४. जीर्ण हो रहा है (परिजूरइ)

इसका संस्कृत रूप 'परिजीर्यति' होता है और प्राकृत में 'निद्' और 'खिद्' धातु को 'जूर' आदेश होता है। इसलिए 'परिजूरइ' का अनुवाद 'जीर्ण हो रहा है' के अतिरिक्त 'अपने आपको कोस रहा है' या 'खिन्न हो रहा है' भी हो सकता है।

१५. (श्‍लोक २०-२५)

एकेन्द्रिय से पंचेन्द्रिय तक के जीवों में इन्द्रिय-विकास का क्रम इस प्रकार है—स्पर्शन, रसन, घ्राण, चक्षु और श्रोत्र।

प्रस्तुत पांच सूत्रों में इन्द्रियों में ह्रास का क्रम बतलाया गया है। सबसे पहले श्रोत्रेन्द्रिय का ह्रास होना प्रारम्भ होता है, फिर क्रमश: चक्षुरिन्द्रिय, घ्राणेन्द्रिय, रसनेन्द्रिय और स्पर्शनेन्द्रिय का ह्रास होता है। कादंबिनी के एक लेख में इन्द्रियों के ह्रास का प्रारम्भ इस प्रकार बताया गया है—

'मानव जीवन के इस काल में उसकी विभिन्न शक्तियां भी क्रम से क्षीण होती हैं। सबसे पहला लक्षण आंख पर प्रकट होता है। आंख के लेंस के लचीलेपन की कमी दसवें वर्ष में ही प्रारम्भ हो जाती है और साठ वर्ष की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते वह समाप्त हो जाती है। आंख की शक्ति के क्षय के दूसरे लक्षण हैं—दृष्टि के प्रसार में कमी, किसी चीज का साफ-साफ नजर न आना तथा हल्के प्रकाश में दिखलाई न पड़ना। ये लक्षण ४० वर्ष की उम्र में प्रारम्भ होते हैं। इसी प्रकार मानव की दूसरी शक्तियां भी कम होती हैं। स्वाद की तेजी ५० वर्ष की उम्र में घटने लगती है और घ्राण शक्ति ६० वर्ष की उम्र में। श्रवण शक्ति का क्षय तो २० वर्ष की उम्र में ही प्रारम्भ हो जाता है। मानव मस्तिष्क की ग्रहण-शक्ति २२ वर्ष की उम्र में सबसे अधिक होती है और उसके बाद घटती है पर वह अत्यन्त अल्प गति से। ४० वर्ष की उम्र के बाद घटने का क्रम कुछ बढ़ जाता है और ८० वर्ष की उम्र तक पहुंचने पर वह फिर उतनी रह जाती है।

१६. सब प्रकार का पूर्ववर्ती बल (सव्वबले)

चूर्णि में 'सर्वबल' के दो अर्थ प्राप्त हैं—इन्द्रियों की शक्ति अथवा शारीरिक, वाचिक और मानसिक शक्ति।

शारीरिक शक्ति—प्राणबल, बैठने-चलने की शक्ति।

वाचिक शक्ति—स्‍निग्ध, गंभीर और सुस्वर में बोलने की शक्ति।

मानसिक शक्ति—ग्रहण और धारण करने में क्षम मनोबल।

शान्त्याचार्य ने भी सर्वबल के दो अर्थ किए हैं—

१. हाथ, पैर आदि शारीरिक अवयवों की शक्ति।

२. मन, वचन और काया की ध्यान, अध्ययन, चंक्रमण आदि चेष्टाएं।

१७. पित्त-रोग (अरई)

अरति के अनेक अर्थ होते हैं। शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ 'वायु आदि से उत्पन्न होने वाला चित्त का उद्वेग' किया है। किन्तु इस श्‍लोक में शरीर का स्पर्श करने वाले रोगों का उल्लेख है। इस दृष्टि से अनुवाद में इसका अर्थ 'पित्त-रोग' किया गया है। अरति का अर्थ पित्त-रोग भी है।

१८. हैजा (विसूचिका)

यह वह रोग है जो शरीर में सूई की भांति चुभन पैदा करता है। वृत्तिकार ने इसे अजीर्ण-विशेष माना है। आज की भाषा में इसे 'हैजा' कहा जा सकता है।

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रसंग में आचार्य नेमिचन्द्र ने अन्य अनेक रोगों के नाम गिनाए हैं—श्‍वास, खांसी, ज्वर, दाह, कुक्षिशूल, भगंदर, अर्स, अजीर्ण, दृष्टिशूल, मुखशूल, अरुचि, अक्षिवेदना, खाज, कर्णबाधा, जलोदर, कोढ आदि।

१९. (श्‍लोक २८)

इस श्‍लोक में भगवान् ने गौतम को स्‍नेह-मुक्त होने का उपदेश दिया है। गौतम पदार्थों में आसक्त नहीं थे। विषय-भोगों में भी उनका अनुराग नहीं था। केवल भगवान् से उन्हें स्‍नेह था। भगवान् स्वयं वीतराग थे। वे नहीं चाहते थे कि कोई उनके स्‍नेह-बंधन में बंधे। भगवान् के इस उपदेश की पृष्ठ-भूमि में उस घटना का भी समावेश होता है, जिसका एक प्रसंग में भगवान् ने स्वयं उल्लेख किया था। भगवान् ने कहा था—''गौतम! तू मेरा चिरकालीन सम्बन्धी रहा है।''

प्रस्तुत—श्‍लोक के प्रथम दो चरण धम्मपद के मार्ग-वर्ग, श्‍लोक १३ से तुलनीय हैं—

''उच्छिंद सिनेहमत्तनो कुमुदं सारदिकं व पाणिना।''

अर्थात्—अपने प्रति आसक्ति को इस तरह काट दो जैसे शरद् ऋतु में हाथों से कमल का फूल काट दिया जाता है।

शरद् ऋतु का कमल इतना कोमल होता है कि वह सहज ही हाथों से काटा जा सकता है। यह धम्मपद गत उपमा का आशय है। उत्तराध्ययन के टीकाकारों ने इस उपमा का आशय इस प्रकार व्यक्त किया है—''कुमुद पहले जल-मग्‍न होता है और बाद में जल के ऊपर आ जाता है।''

निर्लेपता के लिए कमल की उपमा का प्रयोग सहज रूप में होता है। उत्तराध्ययन २५।२६ में लिखा है कि जैसे पद्म जल में उत्पन्न होकर भी उसमें लिप्त नहीं होता, उसी प्रकार जो कामों से अलिप्त रहता है, वह ब्राह्मण है। निर्लेपता के लिए कुमुद और जल दो ही शब्द पर्याप्त हैं। स्‍नेह शारद-जल की तरह मनोरम होता है, यह दिखलाने के लिए शारद-पानीय का प्रयोग किया गया है। धम्मपद में 'पाणिना' में तृतीया विभक्ति का एक वचन है और उसका अर्थ है 'हाथ'।

उत्तराध्ययन में 'पाणियं' द्वितीया का एकवचन है और इसका अर्थ है 'जल'।

२०. (श्‍लोक ३१)

चूर्णि और टीका में 'बहुमए' का अर्थ 'मार्ग' और 'मग्गदेसिए' का अर्थ 'मोक्ष को प्राप्त करने वाला' किया है। इसके अनुसार इस श्‍लोक का अनुवाद इस प्रकार होगा—''आज जिन नहीं दीख रहे हैं फिर भी उनके द्वारा निरूपित मोक्ष को प्राप्त कराने वाला मार्ग दीख रहा है—यह सोच भव्य लोग प्रमाद से बचेंगे। अभी मेरी उपस्थिति में तुझे न्यायपूर्ण पथ प्राप्त है, इसलिए.....।'' किन्तु 'मग्गदेसिए' का अर्थ 'मार्ग का उपदेश देने वाला' और 'बहुमए' का अर्थ 'विभिन्न विचार रखने वाला' सहज संगत लगता है, इसलिए हमने अनुवाद में इन शब्दों का यही अर्थ किया है।

२१. (श्‍लोक ३२)

कंटकापहं—इसका अर्थ है—कांटों से भरा मार्ग। कांटे दो प्रकार के होते हैं—(१) द्रव्य-कंटक—बबूल आदि के कांटे और (२) भाव-कंटक—मिथ्या या एकान्तदृष्टि वाले दार्शनिकों के वचन।

पहं महालयं—यहां पथ का अर्थ है—सम्यग् दर्शन, सम्यग् चारित्रमय मोक्षमार्ग। महालय का अर्थ है—महामार्ग।

२२. दृढ़ निश्‍चय के साथ (विसोहिया)

इसका संस्कृत रूप है—विशोध्य। चूर्णिकार ने इसका अर्थ—अतिचार से रहित करके—किया है। वृत्ति में इसका अर्थ है—निश्‍चय करके।

एक आचार्य अपने तीन शिष्यों के साथ एक नगर में आए। वे तीनों का परीक्षण करना चाहते थे। वे उन्हें ध्यान का प्रशिक्षण दे रहे थे। काफी दिनों के बाद उन्होंने सोचा, परीक्षा ले लूं कि इनकी चेतना बदली या नहीं बदली? तीनों को बुलाकर कहा—आज अमुक रास्ते से तुम्हें गुजरना है। सामने कंटीली बाड़, कांटे बिखरे हुए हैं। गुरु ने कहा—इसी रास्ते से जाना है, रास्ता बदलना नहीं है।

पहला शिष्य बहुत विनीत था। उसमें समर्पण की चेतना जाग गई थी। वह गुरु के आदेशानुसार उसी मार्ग से चला। शूलों से उसके पैर लहूलुहान हो गए और वह वेदना से कराहता हुआ बैठ गया।

दूसरे शिष्य में चेतना का रूपान्तरण घटित नहीं हुआ था। उसने गुरु के आदेश को अव्यावहारिक माना। वह उस मार्ग को छोड़ दूसरे मार्ग से चल पड़ा। तीसरा शिष्य आया। देखा, बड़ा कठिन काम है कांटों पर चलना। तत्काल गया, बुहारी लाया और रास्ते में बिखरे सारे कांटे बुहार कर रास्ते को साफ कर दिया। अब वह निश्चिंतता से उसी मार्ग से आगे बढ़ा और गंतव्य पर पहुंच गया। यह है चेतना का रूपान्तरण। तीनों की कसौटी हो गई।

२३. (श्‍लोक ३३)

जैसे कोई एक आदमी धन कमाने के लिए विदेश गया। वहां से बहुत सारा सोना लेकर वापस घर को आ रहा था। कंधों पर बहुत वजन था। शरीर से था वह दुबला-पतला। मार्ग सीधा-सरल आया तब तक वह ठीक चलता रहा और जब कंकरीला, पथरीला मार्ग आया तब वह आदमी घबड़ा गया। उसने धन की गठरी वहीं छोड़ दी और अपने घर चला आया। अब वह सब कुछ गंवा देने के कारण निर्धन हो पछतावा करता है। इसी प्रकार जो श्रमण प्रमादवश विषय-मार्ग में जा संयम-धन को गंवा देता है, उसे पछतावा होता है।

२४. (तिण्णो हु सि.....तीरमागओ)

इस भाव को स्पष्ट करने वाली एक कथा है—

राजधानी में नट-मंडली आई। बहुत विश्रुत, बहुत कुशल। राजसभा में नाटक आयोजित हुआ। नटी ने अपूर्व कौशल दिखलाया। प्रहर पर प्रहर बीत गए पर जनता की आंखें अब भी प्यासी थीं। कृपण था राजा और कृपण थी प्रजा। नट राजा की दृष्टि देख रहा था पर राजा देख रहा था नटी के अपूर्व करतब। न राजा पसीजा और न नट ने नाटक थामा। आखिर नटी ने थककर गाया—हे मेरे नायक! पंजर थक गया है। अब तुम कोई मधुर तान छेड़ो, मधुर ताल दो।

नट ने गाया—बहुत लम्बी रात बीत चुकी। भोर होने को है। अब थोड़ी देर के लिए रंग में भंग मत करो।

नट के करतब देखने एक मुनि भी आया हुआ था। वह खड़ा हुआ। सवा लाख की रत्‍नकंबल उसने नट के हाथ में थमा दी। राजकुमार उठा और उसने कुंडल नट की झोली में डाल दिए। राजकुमारी ने अपना हार नटी को पहना दिया।

राजा अचम्भे में था। सभा अवाक् थी। दो क्षण वातावरण मौन रहा। इतना अनुग्रह कैसे? राजा ने मुनि से पूछा। मुनि बोला—मैंने तो इसे रत्‍नकंबल ही दिया है, इसने मुझे जीवन दिया है। इसके वाक्य से प्रेरणा ले मैं वापस मुनिधर्म में स्थिर हो गया हूं।

राजा ने युवराज से पूछा—मुझे बिना पूछे कुंडल दिए, इतना साहस कैसे हुआ? युवराज बोला—मैं तो तुला हुआ था महाराज! आपकी हत्या के लिए। 'रंग में भंग मत करो'—इस वाक्य ने मुझे उबार लिया। राजा ने कन्या से पूछा—रत्‍नहार इतना सस्ता तो नहीं है। कन्या बोली—आपने मेरी चिंता कब की? मैं मंत्रीपुत्र के साथ भागने की तैयारी में थी। किन्तु नट के वाक्य ने मुझे बचा लिया। दो क्षण के लिए फिर एक बार सभा में सन्नाटा छा गया।

२५. (श्‍लोक ३४)

अर्णव का शाब्दिक अर्थ है—समुद्र। यहां इसका प्रयोग लाक्षणिक अर्थ में हुआ है। लाक्षणिक अर्थ के आधार पर इसके दो अर्थ किए जा सकते हैं—(क) जन्म-मरणरूपी समुद्र और (२) उत्कृष्ट स्थितिक कर्ममय समुद्र।

भगवान् महावीर गौतम से कह रहे हैं—गौतम! तुम दोनों प्रकार के समुद्र तर गए हो। तुमने भव—संसार का पार पा लिया है और तुमने उत्कृष्ट स्थिति वाले कर्मों का भी क्षय कर डाला है। अब तो तुम्हारे अल्प कर्म शेष रहे हैं। अब तुम इन अवशिष्ट कर्मों का क्षय करने के लिए त्वरा करो। तुम तीर पर पहुंच चुके हो। एक चरण आगे बढ़ाओ, बस, कृतकृत्य हो जाओगे।

२६. क्षपक-श्रेणी पर (अकलेवरसेणिं)

कलेवर अर्थात् शरीर। मुक्त आत्माओं के कलेवर नहीं होता इसलिए वे अकलेवर कहलाते हैं। उनकी श्रेणी की तरह पवित्र भावनाओं की श्रेणी होती है, उसे अकलेवर-श्रेणी कहते हैं। तात्पर्य की भाषा में इसका अर्थ क्षपक-श्रेणी—कर्मों का क्षय करने वाली भाव-श्रेणी है। कलेवर-श्रेणी का दूसरा अर्थ 'सोपान-पंक्ति' हो सकता है। मुक्ति-स्थान तक पहुंचने के लिए विशुद्ध भाव-श्रेणी का सहारा लिया जाता है। सोपान-पंक्ति वहां काम नहीं देती। इसलिए उसे 'अकलेवर-श्रेणी' कहा है। अकलेवर का एक अर्थ विदेह अवस्था भी है।

२७. शांति-मार्ग को (संतिमग्गं)

शांति का अर्थ है 'निर्वाण, उपशम और अहिंसा'। शांति-मार्ग अर्थात् मुक्तिमार्ग। यह दसविध यति-धर्म का सूचक है।

'सन्तिमग्गं च बूहए'—इस पद की तुलना धम्मपद २०।१३ के तीसरे चरण से होती है—'सन्तिमग्गमेव ब्रूहय'।

२८. अर्थपद (शिक्षापद) से (अट्ठपअ)

चूर्णिकार ने अर्थ-पद का कोई अर्थ नहीं किया है। शान्त्याचार्य ने उसका एक शाब्दिक-सा अर्थ किया है—अर्थ-पद अर्थात् अर्थ-प्रधान पद। न्यायशास्त्र में मोक्ष-शास्त्र के चतुर्व्यूह को अर्थ-पद कहा गया है। अर्थ-पद का अर्थ है 'पुरुषार्थ का स्थान'। न्याय की परिभाषा में चार अर्थ-पद इस प्रकार हैं—

(१) हेय—दु:ख और उसका निर्वर्तक (उत्पादक) अर्थात् दु:ख-हेतु।

(२) आत्यन्तिक-हान—दु:ख-निवृत्ति रूप मोक्ष का कारण अर्थात् तत्त्वज्ञान।

(३) इसका उपाय (शास्त्र)।

(४) अधिगन्तव्य—लभ्यमोक्ष।

♦

ग्यारहवां अध्ययन : बहुश्रुतपूजा

11

ग्यारहवां अध्ययन : बहुश्रुतपूजा

आमुख

इस अध्ययन में बहुश्रुत की भाव-पूजा का निरूपण है, इसलिए इसका नाम 'बहुस्सुयपूया'—'बहुश्रुतपूजा' रखा गया है। यहां बहुश्रुत का मुख्य अर्थ चतुर्दश-पूर्वी है। यह सारा प्रतिपादन उन्हीं से संबद्ध है। उपलक्षण से शेष सभी बहुश्रुत मुनियों की पूजनीयता भी प्राप्त होती है।

निशीथ-भाष्य-चूर्णि के अनुसार बहुश्रुत तीन प्रकार के होते हैं—

१. जघन्य बहुश्रुत—जो निशीथ का ज्ञाता हो।

२. मध्यम बहुश्रुत—जो निशीथ और चौदह-पूर्वों का मध्यवर्ती ज्ञाता हो।

३. उत्कृष्ट बहुश्रुत—जो चतुर्दश-पूर्वी हो।

सूत्रकार ने बहुश्रुत को अनेक उपमाओं से उपमित किया है। सारी उपमाएं बहुश्रुत की आंतरिक शक्ति और तेजस्विता को प्रकट करती हैं—

१. बहुश्रुत कम्बोज के घोड़ों की तरह शील से श्रेष्ठ होता है।

२. बहुश्रुत दृढ़ पराक्रमी योद्धा की तरह अजेय होता है।

३. बहुश्रुत साठ वर्ष के बलवान हाथी की तरह अपराजेय होता है।

४. बहुश्रुत यूथाधिपति वृषभ की तरह अपने गण का प्रमुख होता है।

५. बहुश्रुत दुष्पराजेय सिंह की तरह अन्य तीर्थिकों में श्रेष्ठ होता है।

६. बहुश्रुत वासुदेव की भांति अबाधित पराक्रमवाला होता है।

७. बहुश्रुत चतुर्दश रत्‍नाधिपति चक्रवर्ती की भांति चतुर्दश-पूर्वधर होता है।

८. बहुश्रुत देवाधिपति शक्र की भांति संपदा का अधिपति होता है।

९. बहुश्रुत उगते हुए सूर्य की भांति तप के तेज से प्रज्वलित होता है।

१०. बहुश्रुत पूर्णिमा के चन्द्रमा की भांति सकल कलाओं से परिपूर्ण होता है।

११. बहुश्रुत धान के भरे कोठों की भांति श्रुत से परिपूर्ण होता है।

१२. बहुश्रुत जम्बू वृक्ष की भांति श्रेष्ठ होता है।

१३. बहुश्रुत सीता नदी की भांति श्रेष्ठ होता है।

१४. बहुश्रुत मन्दर पर्वत की भांति श्रेष्ठ होता है।

१५. बहुश्रुत नाना रत्‍नों से परिपूर्ण स्वयम्भूरमण समुद्र की भांति अक्षय ज्ञान से परिपूर्ण होता है।

बहुश्रुतता का प्रमुख कारण है विनय। जो व्यक्ति विनीत होता है उसका श्रुत फलवान् होता है। जो विनीत नहीं होता उसका श्रुत फलवान् नहीं होता। मान, क्रोध, प्रमाद, रोग और आलस्य—ये पांच शिक्षा के विघ्न हैं। इनकी तुलना योगमार्ग के नौ विघ्नों से होती है।

आठ लक्षणयुक्त व्यक्ति को शिक्षा प्राप्त होती है (श्‍लोक ४, ५)—

१. जो हास्य नहीं करता।

२. जो इन्द्रिय और मन का दमन करता है।

३. जो मर्म प्रकाशित नहीं करता।

४. जो चरित्रवान् होता है।

५. जो दु:शील नहीं होता।

६. जो रसों में अतिगृद्ध नहीं होता।

७. जो क्रोध नहीं करता।

८. जो सत्य में रत रहता है।

सूत्रकार ने अविनीत के १४ लक्षण और विनीत के १५ गुणों का प्रतिपादन कर अविनीत और विनीत की सुन्दर समीक्षा की है (श्‍लोक ६-१३)।

इस अध्ययन में श्रुत-अध्ययन के दो कारण बताए हैं (श्‍लोक ३२)—

१. स्व की मुक्ति के लिए।

२. पर की मुक्ति के लिए।

दशवैकालिक में श्रुत-अध्ययन के चार कारण निर्दिष्ट हैं—

१. मुझे श्रुत प्राप्त होगा, इसलिए अध्ययन करना चाहिए।

२. मैं एकाग्रचित्त होऊंगा, इसलिए अध्ययन करना चाहिए।

३. मैं आत्मा को धर्म में स्थापित करूंगा, इसलिए अध्ययन करना चाहिए।

४. मैं धर्म में स्थित होकर दूसरे को उसमें स्थापित करूंगा, इसलिए अध्ययन करना चाहिए।

इक्कारसमं अज्झयणं : बहुस्सुयपूजा

ग्यारहवां अध्ययन : बहुश्रुतपूजा

मूल

१. संजोगा विप्पमुक्कस्स, अणगारस्स भिक्खुणो।

आयारं पाउकरिस्सामि, आणुपुव्विं सुणेह मे।।

हिन्‍दी अनुवाद

जो संजोग से मुक्त है, अनगार है, भिक्षु है, उसका मैं क्रमश: आचार१ कहूंगा। मुझे सुनो।

२. जे यावि होइ निव्विज्जे, थद्धे लुद्धे अणिग्गहे।

अभिक्खणं उल्लवई, अविणीए अबहुस्सुए।।

जो विद्याहीन है, विद्यावान् होते हुए भी जो अभिमानी है, जो सरस आहार में लुब्ध है, जो अजितेन्द्रिय है, जो बार-बार असम्बद्ध बोलता है, जो अविनीत है, वह अबहुश्रुत कहलाता है।२

३. अह पंचहिं ठाणेहिं, जेहिं सिक्खा न लब्भई।

थंभा कोहा पमाएणं, रोगेणालस्सएण य।।

मान, क्रोध, प्रमाद, रोग और आलस्य—इन पांच स्थानों (हेतुओं) से शिक्षा प्राप्त नहीं होती।३

४. अह अट्ठहिं ठाणेहिं, सिक्खासीले त्ति वुच्चई।

अहस्सिरे सया दंते, न य मम्ममुदाहरे।।

आठ स्थानों (हेतुओं) से व्यक्ति को शिक्षाशील कहा जाता है। (१) जो हास्य न करे (२) जो सदा इन्द्रिय और मन का दमन करे (३) जो मर्म-प्रकाशन न करे।४

५. नासीले न विसीले, न सिया अइलोलुए।

अकोहणे सच्चरए, सिक्खासीले त्ति वुच्चई।।

(४) जो चरित्र से हीन न हो (५) जिसका चरित्र दोषों से कलुषित न हो (६) जो रसों में अति लोलुप न हो (७) जो क्रोध न करे और (८) जो सत्य में रत हो—उसे शिक्षा-शील कहा जाता है।५

६. अह चउदसहिं ठाणेहिं, वट्टमाणे उ संजए।

अविणीए वुच्चई सो उ, निव्वाणं च न गच्छइ।।

चौदह स्थानों (हेतुओं) में वर्तन करने वाला संयमी अविनीत कहा जाता है। वह निर्वाण को प्राप्त नहीं होता।

७. अभिक्खणं कोही हवइ, पबंधं च पकुव्वई।

मेत्तिज्जमाणो वमइ, सुयं लद्धूण मज्जई।।

(१) जो बार-बार६ क्रोध करता है (२) जो क्रोध को टिका कर रखता है७ (३) जो मित्रभाव रखने वाले को भी ठुकराता है८ (४) जो श्रुत प्राप्त कर मद करता है,

८. अवि पावपरिक्खेवी, अवि मित्तेसु कुप्पई।

सुप्पियस्सावि मित्तस्स, रहे भासइ पावगं।।

(५) जो किसी की स्खलना होने पर उसका तिरस्कार करता है, (६) जो मित्रों पर कुपित होता है, (७) जो अत्यन्त प्रिय मित्र की भी एकांत में बुराई करता है९,

९. पइण्णवाई दुहिले, थद्धे लुद्धे अणिग्गहे।

असंविभागी अचियत्ते, अविणीए त्ति वुच्चई।।

(८) जो असंबद्ध-भाषी है१० (९) जो द्रोही है (१०) जो अभिमानी है (११) जो सरस आहार आदि में लुब्ध है (१२) जो अजितेन्द्रिय है (१३) जो असंविभागी है और (१४) जो अप्रीतिकर है११—वह अविनीत कहलाता है।

१०. अह पन्नरसहिं ठाणेहिं, सुविणीए त्ति वुच्चई।

नीयावत्ती अचवले, अमाई अकुऊहले।।

पन्द्रह स्थानों (हेतुओं) से सुविनीत कहलाता है—(१) जो नम्र व्यवहार करता है१२ (२) जो चपल नहीं होता१३ (३) जो मायावी नहीं होता१४ (४) जो कुतूहल नहीं करता१५

११. अप्पं चाहिक्खिवई, पबन्धं च न कुव्वई।

मेत्तिज्जमाणो भयई, सुयं लद्धुं न मज्जई।।

(५) जो किसी का तिरस्कार नहीं करता१६(६) जो क्रोध को टिका कर नहीं रखता (७) जो मित्रभाव रखने वाले के प्रति कृतज्ञ होता है (८) जो श्रुत प्राप्त कर मद नहीं करता,

१२. न य पावपरिक्खेवी, न य मित्तेसु कुप्पई।

अप्पियस्सावि मित्तस्स, रहे कल्लाण भासई।।

(९) जो स्खलना होने पर किसी का तिरस्कार नहीं करता१७ (१०) जो मित्रों पर क्रोध नहीं करता (११) जो अप्रिय मित्र की भी एकान्त में प्रशंसा करता है,१८

१३. कलहडमरवज्जए, बुद्धे अभिजाइए।

हिरिमं पडिसंलीणे, सुविणीए त्ति वुच्चई।।

(१२) जो कलह और हाथापाई का वर्जन करता है (१३) जो कुलीन होता है (१४) जो लज्जावान् होता है और (१५) जो प्रतिसंलीन (इन्द्रिय और मन का संगोपन करने वाला) होता है—वह बुद्धिमान् मुनि सुविनीत कहलाता है।१९

१४. वसे गुरुकुले निच्चं, जोगवं उवहाणवं।

पियंकरे पियंवाई, से सिक्खं लद्धुमरिहई।।

जो सदा गुरुकुल में२० वास करता है, जो एकाग्र होता है,२१ जो उपधान (श्रुत-अध्ययन के समय तप) करता है, जो प्रिय व्यवहार करता है, जो प्रिय बोलता है—वह शिक्षा प्राप्त कर सकता है।

१५. जहा संखम्मि पयं, निहियं दुहओ वि विरायइ।

एवं बहुस्सुए भिक्खू, धम्मो कित्ती तहा सुयं।।

जिस प्रकार शङ्ख में रखा हुआ दूध दोनों ओर (अपने और अपने आधार के गुणों) से सुशोभित होता है२२ उसी प्रकार बहुश्रुत२३ भिक्षु में धर्म, कीर्ति और श्रुत२४ दोनों ओर (अपने और अपने आधार के गुणों) से सुशोभित होते हैं।

१६. जहा से कंबोयाणं, आइण्णे कंथए सिया।

आसे जवेण पवरे, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार कम्बोज के घोड़ों में से कन्थक घोड़ा शील आदि गुणों से आकीर्ण और वेग से श्रेष्ठ होता है, उसी प्रकार भिक्षुओं में बहुश्रुत श्रेष्ठ होता है।२५

१७. जहाइण्णसमारूढे, सूरे दढपरक्कमे।

उभओ नंदिघोसेणं, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार आकीर्ण (जातिमान्) अश्‍व पर चढ़ा हुआ दृढ़ पराक्रम वाला योद्धा दोनों ओर होने वाले मंगलपाठकों के घोष से२६ अजेय होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत अपने आसपास होने वाले स्वाध्याय-घोष से अजेय होता।

१८. जहा करेणुपरिकिण्णे, कुंजरे सट्ठिहायणे।

बलवंते अप्पडिहए, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार हथिनियों से परिवृत साठ वर्ष का२७ बलवान् हाथी किसी से पराजित नहीं होता, उसी प्रकार बहुश्रुत दूसरों से पराजित नहीं होता।

१९. जहा से तिक्खसिंगे, जायखंधे विरायई।

वसहे जूहाहिवई, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार तीक्ष्ण सींग और अत्यन्त पुष्ट स्कन्ध वाला२८ बैल यूथ का अधिपति बन सुशोभित होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत आचार्य बनकर सुशोभित होता है।

२०. जहा से तिक्खदाढे, उदग्गे दुप्पहंसए।

सीहे मियाण पवरे, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार तीक्ष्ण दाढ़ों वाला पूर्ण युवा और दुष्पराजेय सिंह आरण्य-पशुओं में श्रेष्ठ होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत अन्य तीर्थिकों में श्रेष्ठ होता है।२९

२१. जहा से वासुदेवे, संखचक्कगयाधरे।

अप्पडिहयबले जोहे, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार शङ्ख, चक्र और गदा३० को धारण करने वाला वासुदेव अबाधित बल वाला योद्धा होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत अबाधित बल वाला होता है।

२२. जहा से चाउरंते, चक्कवट्टी महिड्ढिए।

चउदसरयणाहिवई, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार महान् ऋद्धिशाली, चतुरन्त चक्रवर्ती चौदह रत्‍नों का अधिपति होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत चतुर्दश पूर्वधर होता है।३१

२३. जहा से सहस्सक्खे, वज्जपाणी पुरंदरे।

सक्के देवाहिवई, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार सहस्रचक्षु,३२ वज्रपाणि और पुरों का विदारण करने वाला३३ शक्र देवों का अधिपति होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत दैवी सम्पदा का अधिपति होता है।

२४. जहा से तिमिरविद्धंसे, उत्तिट्ठंते दिवायरे।

जलंते इव तेएण, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार अन्धकार का नाश करने वाला उगता हुआ३४ सूर्य तेज से जलता हुआ प्रतीत होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत तप के तेज से जलता हुआ प्रतीत होता है।

२५. जहा से उडुवई चंदे, नक्खत्तपरिवारिए।

पडिपुण्णे पुण्णमासीए, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार नक्षत्र३५ परिवार से परिवृत ग्रहपति चन्द्रमा पूर्णिमा को प्रतिपूर्ण होता है, उसी प्रकार साधुओं के परिवार से परिवृत बहुश्रुत सकल कलाओं में परिपूर्ण होता है।

२६. जहा से सामाइयाणं, कोट्ठागारे सुरक्खिए।

नाणाधन्नपडिपुण्णे, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार सामाजिकों (समुदायवृत्ति वालों) का कोष्ठागार३६सुरक्षित और अनेक प्रकार के धान्यों से परिपूर्ण होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत नाना प्रकार के श्रुत से परिपूर्ण होता है।

२७. जहा सा दुमाण पवरा, जंबू नाम सुदंसणा।

अणाढियस्स देवस्स, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार अनादृत देव का आश्रय सुदर्शना नाम का जम्बू वृक्ष सब वृक्षों में श्रेष्ठ होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत सब साधुओं में श्रेष्ठ होता है।३७

२८. जहा सा नईण पवरा, सलिला सागरंगमा।

सीया नीलवंतपवहा, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार नीलवान् पर्वत से निकल कर समुद्र में मिलने वाली शीता नदी शेष नदियों में श्रेष्ठ है, उसी प्रकार बहुश्रुत सब साधुओं में श्रेष्ठ होता है।३८

२९. जहा से नगाण पवरे, सुमहं मंदरे गिरी।

नाणोसहिपज्जलिए, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार अतिशय महान् और अनेक प्रकार की औषधियों से दीप्त मंदर पर्वत३९ सब पर्वतों में श्रेष्ठ है, उसी प्रकार बहुश्रुत सब साधुओं में श्रेष्ठ होता है।

३०. जहा से सयंभूरमणे, उदही अक्खओदए।

नाणारयणपडिपुण्णे, एवं हवइ बहुस्सुए।।

जिस प्रकार अक्षय जल वाला स्वयंभूरमण समुद्र अनेक प्रकार के रत्‍नों से भरा हुआ होता है, उसी प्रकार बहुश्रुत अक्षय ज्ञान से परिपूर्ण होता है।

३१. समुद्दगंभीरसमा दुरासया, अचक्किया केणइ दुप्पहंसया।

सुयस्स पुण्णा विउलस्स ताइणो, खवित्तु कम्मं गइमुत्तमं गया।

समुद्र के समान गम्भीर४०, दुराशय४१—जिसके आशय तक पहुंचना सरल न हो, अशक्य—जिसके ज्ञानसिन्धु को लांघना शक्य न हो, किसी प्रतिवादी के द्वारा अपराजेय और विपुलश्रुत से पूर्ण४२ वैसे बहुश्रुत मुनि कर्मों का क्षय करके उत्तम गति (मोक्ष) में गए।

३२. तम्हा सुयमहिट्ठेज्जा, उत्तमट्ठगवेसए।

जेणप्पाणं परं चेव, सिद्धिं संपाउणेज्जासि।।

इसलिए उत्तम अर्थ४३ (मोक्ष) की गवेषणा करने वाला मुनि श्रुत का आश्रयण करे,४४ जिससे वह अपने आपको और दूसरों को सिद्धि की प्राप्ति करा सके।

—त्ति बेमि।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ११ : बहुश्रुतपूजा

१. आचार (आयारं)

आचार का अर्थ 'उचित क्रिया' या 'विनय' है। चूर्णिकार के अनुसार पूजा, विनय और आचार एकार्थक शब्द हैं। जैन और बौद्ध साहित्य में विनय शब्द भी आचार के अर्थ में बहुलता से प्रयुक्त हुआ है। प्रस्तुत अध्ययन में बहुश्रुत की पूजा और शिक्षा की अर्हता पर प्रकाश डाला गया है।

आचार के पांच प्रकार हैं—ज्ञानाचार, दर्शनाचार, चारित्राचार, तप:आचार और वीर्याचार। बहुश्रुतता का संबंध ज्ञानाचार या शिक्षा से है।

२. (अवि, थद्धे, अणिग्गहे)

प्रस्तुत प्रकरण बहुश्रुत की पूजा का है। बहुश्रुत की पूजा उसके स्वरूप को जानने से होती है। बहुश्रुत का प्रतिपक्ष अबहुश्रुत है। बहुश्रुत को जानने से पहले अबहुश्रुत को जानना आवश्यक है। इसलिए इस श्‍लोक में अबहुश्रुत का स्वरूप बतलाया गया है।

'अवि' का अर्थ है—विद्यावान् होते हुए भी। निर्विद्य (विद्याहीन) शब्द मूल पाठ में प्रयुक्त है किन्तु विद्यावान् का उल्लेख 'अपि' शब्द के आधार पर किया गया है। जो स्तब्धता आदि दोषों से युक्त है वह विद्यावान् होते हुए भी अबहुश्रुत है। इसका कारण यह है कि स्तब्धता आदि दोषों से बहुश्रुतता का फल नहीं होता।

'थद्धे' का अर्थ है—अभिमानी। ज्ञान से अहंकार का नाश होता है किन्तु जब ज्ञान भी अहंकार की वृद्धि का साधन बन जाए तब अहंकार कैसे मिटे? जब औषध भी विष का काम करे तो चिकित्सा किसके द्वारा की जाए?

'अणिग्गहे' का अर्थ है—अजितेन्द्रिय। इन्द्रियों पर नियंत्रण करने के लिए विद्या अंकुश के समान है। उसके अभाव में व्यक्ति अनिग्रह होता है। जो इन्द्रियों का निग्रह न कर सके वह अनिग्रह—अजितेन्द्रिय कहलाता है।

३. (श्‍लोक ३)

प्रस्तुत श्‍लोक के कुछेक शब्दों का विवरण—

ठाणेहिं—स्थानों से। स्थान शब्द के अनेक अर्थ होते हैं। यहां इसका अर्थ हेतु या प्रकार है।

सिक्खा—शिक्षा। शिक्षा के दो प्रकार हैं—ग्रहण और आसेवन। ज्ञान प्राप्त करने को ग्रहण और उसके अनुसार आचरण करने को आसेवन कहा जाता है। अभिमान आदि कारणों से ग्रहण-शिक्षा भी प्राप्त नहीं होती तो भला आसेवन-शिक्षा कैसे प्राप्त हो सकती है?

थंभा—इसका अर्थ है—'मान'। अभिमानी व्यक्ति विनय नहीं करता, इसलिए उसे कोई नहीं पढ़ाता। अत: मान शिक्षा-प्राप्ति में बाधक है।

पमाएणं—प्रमाद के पांच प्रकार हैं—

(१) मद्य, (२) विषय, (३) कषाय, (४) निद्रा और (५) विकथा।

रोगेण—चूर्णिकार ने रोग उत्पन्न होने के दो कारण बतलाए हैं—

(१) अति-आहार और (२) अपथ्य-आहार।

आलस्सएण—आलस्य का अर्थ है—उत्साहहीनता।

४. (सिक्खासीले, अहस्सिरे, मम्मं)

सिक्खासीले—शिक्षा में रुचि रखने वाला या शिक्षा का अभ्यास करने वाला 'शिक्षाशील' कहलाता है।

अहस्सिरे—जो हास्य न करे। अकारण या कारण उपस्थित होने पर भी जिसका स्वभाव हंसने का न हो उसे 'अहसिता' कहा जाता है।

मम्मं—मर्म का अर्थ है—लज्जाजनक, अपवादजनक या निन्दनीय आचरण सम्बन्धी गुप्त बात।

५. (नासीले न विसीले, अकोहणे, सच्चरए)

चूर्णिकार ने अशील शब्द का अर्थ गृहस्थ की भांति आचरण करने वाला और विशील का अर्थ जादू-टोना आदि करने वाला किया है। वृत्ति में अशील का अर्थ है—चारित्र धर्म से सर्वथा हीन और विशील का अर्थ है—अतिचारों से कलुषित व्रत वाला।

जो निरपराध या अपराधी पर क्रोध न करे, वह 'अक्रोधन' कहलाता है।

चूर्णि के अनुसार जो मृषा न बोले या संयम में रत हो, वह 'सत्यरत' कहलाता है।

६. बार-बार (अभिक्खणं)

बृहद्वृत्ति के अनुसार इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—'अभीक्ष्णं' और 'अभिक्षणं।' अभीक्ष्णं का अर्थ बार-बार और अभिक्षणं का अर्थ निरंतर है।

७. जो क्रोध को टिकाकर रखता है (पबंधं)

प्रबंध का अर्थ है—अविच्छेद। बार-बार क्रोध आना और आए हुए क्रोध को टिका कर रखना एक बात नहीं है। इसका वैकल्पिक अर्थ है—विकथाओं में निरंतर लगे रहना।

८. जो मित्रभाव रखने वाले को भी ठुकराता है (मेत्तिज्जमाणो वमइ)

इसका आशय एक व्यावहारिक उदाहरण द्वारा समझाया गया है। कोई साधु पात्र रंगना नहीं जानता। वैसी स्थिति में दूसरा साधु उसका पात्र रंगने को तैयार है किन्तु वह सोचने लगता है कि मैं इससे अपना पात्र रंगाऊंगा तो मुझे भी इसका काम करना पड़ेगा। इस प्रत्युपकार के भय से वह उससे पात्र नहीं रंगवाता और कहता है मुझे तुमसे पात्र नहीं रंगवाना है। इस तरह मित्रभाव रखने की इच्छा करने वाले का तिरस्कार करता है।

९. बुराई करता है (भासइ पावगं)

बुराई करता है—इसका तात्पर्य यह है कि सामने मीठा बोलता है और पीछे 'यह दोष का सेवन करता है' इस प्रकार उसका अपवाद करता है।

१०. जो असंबद्ध भाषी है (पइण्णवाई)

बृहद्वृत्ति के अनुसार 'पइण्णवाई' के संस्कृत रूप दो बनते हैं—प्रकीर्णवादी और प्रतिज्ञावादी।

जो सम्बन्ध रहित बोलता है या पात्र या अपात्र की परीक्षा किए बिना ही श्रुत का रहस्य बता देता है, वह 'प्रकीर्णवादी' कहलाता है। 'यह ऐसे ही है' इस तरह जो ऐकांतिक आग्रहपूर्वक बोलता है, वह 'प्रतिज्ञावादी' कहलाता है। चूर्णिकार को पहला रूप अभिमत है और सुखबोधा को दूसरा।

प्रकरण की दृष्टि से पहला अर्थ ही अधिक संगत है। जार्ल सरपेन्टियर ने पहला अर्थ ही मान्य किया है।

११. जो अप्रीतिकर है (अचियत्ते)

अचियत्त—यह देशी पद है। चूर्णि में इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—अदर्शनीय और अप्रीतिकर। वृत्ति के अनुसार जिसको देखने से या बोलते हुए सुनने से अप्रीति उत्पन्न होती है, वह व्यक्ति अचियत्त—अप्रीतिकर कहलाता है।

१२. जो नम्र व्यवहार करता है (नीयावत्ती)

बृहद्वृत्ति के अनुसार 'नीचवर्ती' के दो अर्थ हैं—

१. नीच अर्थात् नम्र वर्तन करने वाला।

२. शय्या आदि में गुरु से नीचा रहने वाला।

इसकी विशेष जानकारी के लिए देखें—दशवैकालिक ९।२।१७।

१३. जो चपल नहीं होता (अचवले)

चपल चार प्रकार के होते हैं—

१. गति-चपल—जो दौड़ता हुआ चलता है।

२. स्थान-चपल—जो बैठा-बैठा हाथ-पैर आदि को हिलाता रहता है, जो स्थिरता से एक आसन पर नहीं बैठता।

३. भाषा-चपल—इसके चार प्रकार हैं—

(क) असत् प्रलापी—असत् (अविद्यमान) कहने वाला।

(ख) असभ्य प्रलापी—कड़ा या रूखा बोलने वाला।

(ग) असमीक्ष्य प्रलापी—बिना सोचे-विचारे बोलने वाला।

(घ) अदेशकाल प्रलापी—कार्य संपन्न हो जाने के बाद— उस-उस प्रदेश में यह कार्य किया जाता तो सुन्दर होता—इस प्रकार कहने वाला।

४. भाव-चपल—प्रारम्भ किए हुए सूत्र और अर्थ को बीच में छोड़कर दूसरे सूत्र और अर्थ का अध्ययन प्रारम्भ करने वाला।

१४. जो मायावी नहीं होता (अमाई)

चूर्णिकार ने मायापूर्ण व्यवहार को समझाने के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है—किसी साधु को भिक्षा में सरस भोजन मिला। उसने सोचा—गुरु इस भोजन को देखेंगे तो स्वयं ले लेंगे। इस डर से उसने सरस भोजन को रूखे-सूखे भोजन से ढक दिया—यह मायापूर्ण व्यवहार है। जो ऐसे व्यवहारों का आसेवन नहीं करता, वह अमायी होता है।४ विशेष विवरण के लिए देखें—दशवैकालिक ५।२।३१।

१५. जो कुतूहल नहीं करता (अकुऊहले)

इन्द्रियों के विषय और चामत्कारिक विद्याएं पाप-स्थान होती हैं, यह जान कर जो उनके प्रति उदासीन रहता है, उसे अकुतूहल कहा जाता है।५ ऐसा व्यक्ति नाटक, इन्द्रजाल आदि को देखने के लिए कभी उत्सुक नहीं होता।

१६. जो किसी का तिरस्कार नहीं करता (अप्पं चाऽहिक्खिवई)

'अल्प' शब्द के दो अर्थ होते हैं—थोड़ा और अभाव।

पहले अर्थ के अनुसार इस चरण का अनुवाद होगा—थोड़ा तिरस्कार करता है। इसका भाव यह है कि ऐसे तो वह किसी का तिरस्कार नहीं करता किन्तु अयोग्य को धर्म में प्रेरित करने की दृष्टि से उसका थोड़ा तिरस्कार करता है।

चूर्णि के अनुसार यहां 'अल्प' शब्द अभाववाची है।

१७. जो स्खलना होने पर किसी का तिरस्कार नहीं करता (न य पावपरिक्खेवी)

प्रस्तुत श्‍लोक में 'पाप' शब्द का प्रयोग पापी अथवा दोषपूर्ण व्यक्ति के अर्थ में किया गया है। अविनीत व्यक्ति दोषी का तिरस्कार करता है। विनीत व्यक्ति दोष का तिरस्कार करता है, दोषी का नहीं। यह दोनों के दृष्टिकोण में बहुत बड़ा अन्तर है।

गोशालक ने आर्द्रकुमार से कहा—'तुम यह कहकर सभी प्रावादुकों की गर्हा कर रहे हो। वे प्रावादुक अपने-अपने दर्शन का निरूपण करते हुए अपनी-अपनी दृष्टि को प्रकट करते हैं।'

तब आर्द्रकुमार ने कहा—'गरहामो दिट्ठिं ण गरहामो किंचि'—हम दृष्टि (दर्शन) की गर्हा कर रहे हैं, किसी प्रावादुक की गर्हा नहीं कर रहे हैं।

१८. प्रशंसा करता है (कल्लाण भासई) :

कुछ व्यक्ति कृतघ्न होते हैं। वे एक दोष को सामने रख कर सौ गुणों को भुला देते हैं। कुछ व्यक्ति कृतज्ञ होते हैं। वे एक गुण को सामने रख कर सौ दोषों को भुला देते हैं। यहां बतलाया गया है कि कृतज्ञ व्यक्ति अपकार करने वाले मित्र के पूर्वकृत किसी एक उपकार का स्मरण कर उसके परोक्ष में भी उसका दोष-गान नहीं करता किन्तु गुण-गान करता है, प्रशंसा करता है।

१९. (कलहडमर, बुद्धे अभिजाइए, हिरिमं पडिसंलीणे)

कलहडमर—'कलह' का अर्थ है—वाचिक विग्रह अर्थात् वचन से झगड़ा करना और 'डमर' का अर्थ है—हाथापाई करना। दोनों एकार्थक भी माने गए हैं।

बुद्धे—बुद्ध अर्थात् बुद्धिमान्, तत्त्व को जानने वाला। चौदह स्थानों में बुद्ध की स्वतंत्र गणना नहीं है। इसका सम्बन्ध सुविनीत के प्रत्येक स्थान से है।

अभिजाइए—अभिजाति का अर्थ है—कुलीनता। जो कुलीनता रखता है अर्थात् लिए हुए भार का निर्वाह करता है, वह अभिजातिग (कुलीन) कहलाता है।

हिरिमं—इसका अर्थ है लज्जावान्। लज्जा एक प्रकार का मानसिक संकोच है। वह कभी-कभी मनुष्य को उबार देती है। लज्जाहीन मनुष्य मन के विकृत होने पर अनुचित कार्य कर डालता है, किन्तु लज्जावान् पुरुष उस स्थिति में भी अनुचित आचरण नहीं करता। इसलिए लज्जा व्यक्ति का बहुत बड़ा गुण है। जो अनुचित कार्य करने में लजाता हो, वह हृीमान् अर्थात् लज्जावान् कहलाता है।

पडिसंलीणे—इसका अर्थ है प्रतिसंलीन। कुछ लोग दिन भर इधर-उधर फिरते रहते हैं। कार्य में संलग्‍न व्यक्ति को ऐसा नहीं करना चाहिए। उसे अपने स्थान पर स्थिरता पूर्वक बैठे रहना चाहिए। इन्द्रिय और मन को भी करणीय कार्य में संलग्‍न रखना चाहिए। प्रयोजनवश कहीं जाना भी पड़ता है किन्तु निष्प्रयोजन इन्द्रिय, मन और हाथ-पैर की चपलता के कारण इधर-उधर नहीं फिरना चाहिए। प्रतिसंलीन शब्द के द्वारा इसी आचरण की शिक्षा दी गई है।

२०. गुरुकुल में (गुरुकुले)

'गुरुकुल' का अर्थ गच्छ या गण है। यहां कहा गया है कि मुनि 'गुरुकुल' में रहे अर्थात् गुरु की आज्ञा में रहे, स्वच्छन्द विहारी होकर अकेला न विचरे। गुरुकुल में रहने से उसे ज्ञान की प्राप्ति होती है। दर्शन और चारित्र में स्थिरता आती है। वे धन्य हैं जो जीवनपर्यन्त 'गुरुकुल-वास' नहीं छोड़ते।

२१. जो एकाग्र होता है (जोगवं)

योग शब्द दो धातुओं से निष्पन्न होता है। एक का अर्थ है जुड़ना और दूसरी का अर्थ है समाधि। चूर्णिकार ने योग के तीन अर्थ किए हैं।—(१) मन, वाणी और काया की प्रवृत्ति (२) संयमयोग (३) पढ़ने का उद्योग।

शान्त्याचार्य ने योग के दो अर्थ किए हैं—धार्मिक प्रयत्‍न तथा समाधि।

गीता में एक स्थान पर कर्म-कौशल को योग कहा है तो दूसरे स्थान पर समत्व को योग कहा है। इस प्रकार योग की सत् कर्म विषयक और समाधि विषयक दोनों प्रकार की व्याख्या मिलती है। धार्मिक-प्रयत्‍न और समाधि दोनों मोक्ष के हेतु हैं, इसलिए दोनों में सर्वथा भेद नहीं है। इसीलिए हरिभद्रसूरि ने मोक्ष से योग कराने वाले समूचे धर्म-व्यापार को योग कहा है। दशवैकालिक ८।४२ में कहा है—मुनि को योग करना चाहिए। वहां योग का मुख्य अर्थ श्रमण-धर्म की आराधना है।

अनगारधर्मामृत में कायक्लेश तप के छह प्रकारों का निर्देश है—अयन (सूर्य आदि की गति), शयन, आसन, स्थान, अवग्रह और योग।

ग्रीष्म ऋतु में पर्वत के शिखर पर सूर्य के सम्मुख खड़ा होना आतापनायोग है। वर्षा ऋतु में वृक्ष के नीचे बैठना वृक्षमूल योग है। शीतकाल में चौराहे पर या नदी के किनारे ध्यान में स्थित होना शीतयोग है। इस प्रकार योग के अनेक भेद हैं।

२२. दोनों ओर (अपने और अपने आधार के गुणों) से सुशोभित होता है (दुहओ वि विरायइ)

शंख भी स्वच्छ होता है और दूध भी स्वच्छ होता है। जब शंख के पात्र में दूध रखा जाता है तब दूध पात्र की स्वच्छता के कारण अधिक स्वच्छ हो जाता है। वह न तो झरता है और न खट्टा होता है।

२३. बहुश्रुत (बहुस्सुए)

बहुश्रुत शब्द जैन आगमों में बहुत प्रचलित है। श्रुत का अर्थ है—ज्ञान। जिसका श्रुत व्यापक और विशाल होता है उसे बहुश्रुत कहा जाता है। व्याख्या साहित्य में इसकी निश्‍चित परिभाषाएं मिलती हैं। बृहत्कल्प भाष्य के अनुसार बहुश्रुत तीन प्रकार के होते हैं—

१. जघन्य बहुश्रुत—निशीथ का ज्ञाता।

२. मध्यम बहुश्रुत—कल्प और व्यवहार का ज्ञाता।

३. उत्कृष्ट बहुश्रुत—नौवें और दशवें पूर्व का ज्ञाता।

निशीथ चूर्णि का मत इससे बहुत भिन्न है। उसके अनुसार उत्कृष्ट बहुश्रुत वह होता है जो चतुर्दशपूर्वधर हो। धवला में बारह अंगों के धारक को बहुश्रुत कहा गया है।

प्रस्तुत अध्ययन में बहुश्रुत के व्यक्तित्व का सवार्र्ंगीण परिचय उपलब्ध है। वह केवल ज्ञानी ही नहीं होता, व्यक्तित्व की अनेक विशेषताओं से संपन्न होता है। यहां उसकी सोलह विशेषताएं बतलाई गई हैं। उनका निर्देश काव्य की भाषा में है। प्रश्‍नव्याकरण में निरूपित मुनि की विशेषताओं के साथ इनका तुलनात्मक अध्ययन बहुत ज्ञानवर्धक हो सकता है।

१. निर्मलता—शंख में निहित दूध की उपमा बहुश्रुत की निर्मल आभा की द्योतक है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि को शंख की भांति निरंजन—राग-द्वेष और मोह से मुक्त बतलाया गया है।

२. जागरूकता—जैसे आकीर्ण या भद्र अश्‍व चाबुक को देखते ही वेगवान् हो जाता है, वैसे ही बहुश्रुत निरन्तर जागरूक रहता है। यह तात्पर्यार्थ उत्तराध्ययन १।१२ में खोजा जा सकता है। धम्मपद में भी इस अर्थ के द्योतक दो श्‍लोक मिलते हैं।

३. शौर्य—बहुश्रुत परिस्थितियों से हार नहीं मानता। वह योद्धा की भांति पराक्रमी होता है।

४. अप्रतिहत—बहुश्रुत हाथी की भांति अप्रतिहत होता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि का एक विशेषण है—हाथी की भांति शौण्डीर—समर्थ या बलवान्।

५. भार-निर्वाहक—बहुश्रुत अपने दायित्व का वृषभ की तरह भलीभांति निर्वाह करता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि की प्राणवान् ऋषभ से तुलना की गई है।

६. दुष्प्रधर्ष—बहुश्रुत सिंह की भांति दुष्प्रधर्ष—अनाक्रमणीय होता है। अन्यदर्शनी उस पर वैचारिक आक्रमण नहीं कर सकते। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि के लिए भी इस उपमा का प्रयोग किया गया है।

७. अपराजेय—बहुश्रुत वासुदेव की भांति अपराजेय होता है।

८. लब्धिसंपन्न—जैसे चक्रवर्ती ऋद्धिसंपन्न होता है, वैसे ही बहुश्रुत भी योगज विभूतियों से संपन्न होता है।

९. आधिपत्य या स्वामित्व—जैसे इन्द्र देवों का अधिपति होता है, वैसे ही बहुश्रुत भी दिव्य शक्तियों का अधिपति होता है।

१०. तेजस्वी—बहुश्रुत सूर्य की भांति तेज से दीप्त होता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि का एक विशेषण है—सूर्य की भांति तेजस्वी।

११. कलाओं से परिपूर्ण और सौम्यदर्शन—बहुश्रुत पूर्णिमा के चन्द्रमा की भांति समस्त कलाओं से परिपूर्ण होता है। उसका दर्शन सौम्यभाव युक्त होता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि का एक विशेषण है—चन्द्रमा की भांति सौम्य।

१२. श्रुतसंपन्न—बहुश्रुत कोष्ठागार की भांति श्रुत से परिपूर्ण होता है।

१३. आदर्श—बहुश्रुत जम्बू वृक्ष की भांति श्रेष्ठ होता है, आदर्श होता है। उसका ज्ञान संजीवनी का काम करता है, जैसे जम्बू वृक्ष का फल।

१४. ज्ञान की निर्मलता—बहुश्रुत निर्मल जलवाली शीता नदी की भांति निर्मल ज्ञान से युक्त होता है।

१५. अडोल और दीप्तिमान्—जैसे मंदर पर्वत अडोल और नानाविध वनस्पतियों से दीप्त होता है, वैसे ही बहुश्रुत ज्ञान से अत्यन्त स्थिर और ज्ञान के प्रकाश से दीप्त होता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि का एक विशेषण है—गिरिवर मंदर पर्वत की तरह अचल।

१६. अक्षयकोष—बहुश्रुत समुद्र की भांति अक्षय ज्ञान और अतिशयों से संपन्न होता है। प्रश्‍नव्याकरण में मुनि का एक विशेषण है—अक्षुब्ध सागर की भांति शांत।

२४ धर्म, कीर्ति और श्रुत (धम्मो कित्तीं तहा सुयं)

चूर्णिकार ने इस चरण का अर्थ दो प्रकार से किया है—योग्य व्यक्ति को ज्ञान देने वाले बहुश्रुत के धर्म होता है, उसकी कीर्ति होती है और उसका ज्ञान अबाधित रहता है। दूसरे प्रकार से इसका अर्थ है—बहुश्रुत भिक्षु में धर्म, कीर्ति और श्रुत अबाधित रहते हैं।

२५. (कंबोयाणं, आइण्णे, कंथए)

कंबोयाणं—कम्बोज (प्राचीन जनपद, जो अब अफगानिस्तान का भाग है) में उत्पन्न अश्‍व 'कम्बोज' कहलाते हैं।

आइण्णे—आकीर्ण अर्थात् शील, रूप, बल आदि गुणों से युक्त अश्‍व।

कंथए—खड़खड़ाहट या शस्त्र-प्रहार से नहीं चौंकने वाला श्रेष्ठ जाति का घोड़ा 'कन्थक' कहलाता है।

२६. मंगलपाठकों के घोष से (नंदिघोसेणं)

चूर्णि में इसका अर्थ है—मंगलपाठकों की जय-जय ध्वनि। वृत्तिकार ने इसको वैकल्पिक अर्थ मानकर इसका मूल अर्थ बारह प्रकारों के वाद्यों की ध्वनि किया है। कोश में जय-जय की ध्वनि को नान्दी कहा गया है। यही अर्थ प्रसंगोपात्त है।

२७. साठ वर्ष का (सट्ठिहायणे)

साठ वर्ष की आयु तक हाथी का बल प्रतिवर्ष बढ़ता रहता है और उसके बाद में कम होना शुरू हो जाता है। इसीलिए यहां हाथी की पूर्ण बलवत्ता बतलाने के लिए साठ वर्ष का उल्लेख किया गया है।

२८. अत्यन्त पुष्ट स्कन्ध वाला (जायखंधे)

'जाय' का अर्थ है—पुष्ट। जिसका कंधा पुष्ट होता है, उसे 'जात-स्कन्ध' कहा जाता है और जो 'जात-स्कन्ध' होता है उसके दूसरे अंगोपांग पुष्ट ही होते हैं।

२९. (श्‍लोक २०)

उदग्गे—उदग्र के अनेक अर्थ हैं—प्रधान, शोभन, उत्कट, पूर्ण युवा आदि। यहां 'उदग्र' का अर्थ वय:प्राप्त पूर्ण युवा है।

मियाण—यहां 'मृग' का अर्थ जंगली पशु है। देखिए— उत्तराध्ययन १।५ का टिप्पण।

३०. शङ्ख, चक्र और गदा (संखचक्कगया)

वासुदेव के शङ्ख का नाम पाञ्चजन्य, चक्र का नाम सुदर्शन और गदा का नाम कौमोदकी है।

लोहे के दण्ड को गदा कहा जाता है। अर्थशास्त्र के अनुसार यह चल-यंत्र होता है।

३१. (चाउरंते, चक्कवट्टी, चउदसरयण)

चाउरन्ते—जिसके राज्य में एक दिगन्त में हिमवान् पर्वत और तीन दिगन्तों में समुद्र हो, वह 'चातुरन्त' कहलाता है। इसका दूसरा अर्थ है—हाथी, अश्‍व, रथ और मनुष्य—इन चारों के द्वारा शत्रु का अन्त करने वाला—नाश करने वाला।

चक्कवट्टी—छह खण्ड वाले भारतवर्ष का अधिपति 'चक्रवर्ती' कहलाता है।

चउदसरयण—चक्रवर्ती के चौदह रत्‍न ये हैं—

(१) सेनापति (२) गाथापति (३) पुरोहित (४) गज (५) अश्‍व (६) बढई (७) स्त्री (८) चक्र (९) छत्र (१०) चर्म (११) मणि (१२) काकिणी (१३) खड्ग और (१४) दण्ड।

३२. सहस्रचक्षु (सहस्सक्खे)

इसका परम्परागत अर्थ यह है कि इन्द्र के पांच सौ मन्त्री होते हैं। राजा मन्त्री की आंखों से देखता है, अपनी नीति निश्‍चित करता है, इसलिए इन्द्र को 'सहस्राक्ष' कहा गया है। जो हजार आंखों से देखता है, इन्द्र अपनी दो आंखों से उससे अधिक देख लेता है, इसलिए वह 'सहस्राक्ष' कहलाता है।

३३. पुरों का विदारण करने वाला (पुरंदरे)

चूर्णि में पुरन्दर की व्याख्या नहीं है। शान्त्याचार्य ने इसका लोक-सम्मत अर्थ किया है—इन्द्र ने पुरों का विदारण किया था, इसलिए वह 'पुरन्दर' नाम से प्रसिद्ध हो गया। पुरं-दर—पुरों को नष्ट करने वाला। ऋग्वेद में दस्युओं या दासों के पुरों को नष्ट करने के कारण इन्द्र को 'पुरन्दर' कहा गया है।

३४. उगता हुआ (उत्तिट्ठंते)

चूर्णिकार ने मध्याह्न तक के सूर्य को उत्थित होता हुआ माना है। उस समय तक सूर्य का तेज बढ़ता है। मध्याह्न के पश्‍चात् वह घटने लग जाता है। इसका दूसरा अर्थ 'उगता हुआ' किया गया है। उगता हुआ सूर्य सोम होता है।

बृहद्वृत्ति के अनुसार उगता हुआ सूर्य तीव्र नहीं होता, बाद में वह तीव्र हो जाता है, इसलिए 'उत्तिष्ठन्' शब्द के द्वारा बाल सूर्य ही अभिप्रेत है।

३५. नक्षत्र (नक्खत्त)

नक्षत्र सताईस हैं। उनके नाम ये हैं—

(१) अश्‍विनी (२) भरणी (३) कृत्तिका (४) रोहिणी (५) मृगशिर (६) आर्द्रा (७) पुनर्वसू (८) पुष्य (९) अश्‍लेषा (१०) मघा (११) पूर्वा फल्गुनी (१२) उत्तरा फल्गुनी (१३) हस्त (१४) चित्रा (१५) स्वाति (१६) विशाखा (१७) अनुराधा (१८) ज्येष्ठा (१९) मूल (२०) पूर्वाषाढा (२१) उत्तराषाढा (२२) श्रवण (२३) घनिष्ठा (२४) शतभिषक् (२५) पूर्वभद्रपदा (२६) उत्तरभद्रपदा और (२७) रेवती।

३६. सामाजिकों (समुदायवृत्ति वालों) का कोष्ठागार (सामाइयाणं कोट्ठागारे)

आजकल जैसे सामुदायिक अन्न-भण्डार होते हैं, उसी प्रकार प्राचीन काल में भी सामुदायिक अन्न-भण्डार होते थे। उनमें नाना प्रकार के अनाज रखे जाते थे। चोर, अग्‍नि, चूहों आदि से बचाने के लिए उनकी पूर्णत: सुरक्षा की जाती थी। उन अन्न-भण्डारों को 'कोष्ठागार' या 'कोष्ठाकार' कहा जाता था।

३७. (श्‍लोक २७)

प्रस्तुत श्‍लोक में जम्बू वृक्ष की उपमा से बहुश्रुत को उपमित किया है। जम्बू वृक्ष जम्बूद्वीप में अवस्थित है। इस द्वीप का अधिपति है अनादृत नाम का व्यन्तर देव। जम्बू वृक्ष इसी देव का निवास स्थान है। इस वृक्ष का अपर नाम है—सुदर्शना। यह वस्तुत: पृथ्वीकायिक होता है। यह द्रुम की अनुकृति वाला होने के कारण द्रुम कहलाता है।

विशेष विवरण के लिए देखें—जम्बूद्वीप प्रज्ञप्ति ४।१४६-१६०।

३८. (सलिला, सीया नीलवंतपवहा)

सलिला—यहां सलिला का प्रयोग नदी के अर्थ में किया गया है।

सीया नीलवंतपवहा—नीलवान मेरु पर्वत के उत्तर में अवस्थित वर्षधर पर्वत है। शीता नदी इस पर्वत से प्रवाहित होती है। यह सबसे बड़ी नदी है और अनेक जलाशयों से व्याप्त है।

वर्तमान भूगोल-शास्त्रियों के अनुसार चीन, तुर्किस्तान के चारों ओर स्थित पर्वतों से कई नदियां निकलती हैं, जो 'तकलामकान' मरुस्थल की ओर जाती हैं और अन्त में इसी मरुस्थल की राह में सूख जाती हैं। काशगर नदी और यारकन्द नदी क्रमश: 'तियेन-शान' और पामीर से निकलती हैं। दोनों नदियां मिलकर तारिम नदी हुई, जो 'लोबनोर' तक जाती है। भारतीय साहित्य में यही नदी 'शीता' के नाम से प्रख्यात है।

पौराणिक विद्वान् नील पर्वत की पहचान आज के कारकोरम से करते हैं। पुराणों के हेमकूट, निषध, नील, श्‍वेत तथा श्रृंङ्गी पर्वत अनुक्रम से आज के हिन्दुकुश, सुलेमान, काराकोरम, कुवेनलुन तथा थियेनशान हैं।

३९. मंदर पर्वत (मंदरे गिरी)

मन्दर पर्वत सबसे ऊंचा पर्वत है और वहां से दिशाओं का प्रारम्भ होता है। उसे नाना प्रकार की औषधियों और वनस्पतियों से प्रज्वलित कहा गया है। वहां विशिष्ट औषधियां होती हैं। उनमें से कुछ प्रकाश करने वाली होती हैं। उनके योग से मंदर पर्वत भी प्रकाशित होता है। सूत्रकृतांग की वृत्ति में भी मेरु—मन्दर पर्वत को औषधि-सम्पन्न कहा है।

कश्मीर के उत्तर में एक ही स्थान या बिंदु से पर्वतों की छह श्रेणियां निकलती हैं। इनके नाम हैं—हिमालय, काराकोरम, कुवेनलुन, हियेनशाल, हिन्दुकुश और सुलेमान। इनमें जो केन्द्र-बिन्दु है, उसे पुराणों के रचयिता मेरु-पर्वत कहते हैं। यह पर्वत भू-पद्म की कर्णिका जैसा है।

४०. (समुद्दगंभीरसमा)

व्याकरण की दृष्टि से यह 'समुद्दसमगम्भीरा' होना चाहिए था, किन्तु छन्द-रचना की दृष्टि से 'गम्भीर' का पूर्व निपात हुआ है। बृहद्वृत्ति के अनुसार 'गाम्भीर्य' के स्थान में 'गम्भीर' का आर्ष-प्रयोग हुआ है।

४१. दुराशय (दुरासया)

'दुरासय' शब्द के संस्कृत रूप तीन होते हैं—

१. दुराश्रय—जिसका आश्रयण दु:खपूर्वक होता है।

२. दुरासद—जिसको प्राप्त करना कठिन होता है।

३. दुराशय—दुष्ट आशय वाला।

आगमों में इन तीनों अर्थों में यह शब्द प्राप्त होता है।

प्रस्तुत प्रसंग में 'दुराशय' का व्युत्पत्तिलभ्य अर्थ इस प्रकार है—जिसके आशय को गंभीरता के कारण कठिनाई से जाना जाता है। वृत्तिकार ने इसके संस्कृत रूप दो दिए हैं—दुराश्रय और दुरासद। अभिभूत करने की बुद्धि से जिसके पास पहुंचना कठिन होता है उसे दुराश्रय या दुरासद कहा जाता है। चूर्णि में केवल दुराश्रय की व्याख्या प्राप्त है।

४२. विपुल श्रुत से पूर्ण (सुयस्स पुण्णा विउलस्स)

इसके तीन अर्थ हैं—

१. चौदह पूर्वों से प्रतिपूर्ण।

२. विमल और नि:शंकित वाचना से युक्त अथवा प्रचुर अर्थ के ज्ञाता।

३. अंग, अंगबाह्य आदि विस्तृत श्रुत के ज्ञाता।

४३. उत्तम अर्थ (मोक्ष) (उत्तमट्ठ)

साधना का लक्ष्य है—बंधनमुक्ति या मोक्ष की प्राप्ति। पुरुषार्थ चतुष्टयी में मोक्ष को उत्तम कहा गया है। प्रस्तुत प्रसंग में उत्तमार्थ का अर्थ है—मोक्ष।

४४. श्रुत का आश्रयण करे (सुयमहिट्ठेज्जा)

वृत्तिकार ने श्रुत के आश्रयण या अधिष्ठान के अनेक साधन बतलाए हैं—अध्ययन, श्रवण, चिंतन आदि।

♦

बारहवां अध्ययन : हरिकेशीय

12

बारहवां अध्ययन : हरिकेशीय

आमुख

यह अध्ययन मुनि हरिकेशबल से सम्बन्धित है, इसलिए इसका नाम 'हरिएसिज्जं'—'हरिकेशीय' है।

मथुरा नगरी के राजा 'शंख' विरक्त हो मुनि बन गए। ग्रामानुग्राम घूमते हुए एक बार वे हस्तिनागपुर (हस्तिनापुर) आए और भिक्षा के लिए नगर की ओर चले। ग्राम-प्रवेश के दो मार्ग थे। मुनि ने एक ब्राह्मण से मार्ग पूछा। एक मार्ग का नाम 'हुताशन' था और वह अत्यन्त निकट था। वह अग्‍नि की तरह प्रज्वलित रहता था। ब्राह्मण ने कुतूहलवश उस उष्ण मार्ग की ओर संकेत कर दिया। मुनि निश्छलभाव से उसी मार्ग पर चल पड़े। वे लब्धि-सम्पन्न थे। अत: उनके पाद-स्पर्श से मार्ग ठण्डा हो गया। मुनि को अविचल भाव से आगे बढ़ते देख ब्राह्मण भी उसी मार्ग पर चल पड़ा। मार्ग को बर्फ जैसा ठण्डा देख उसने सोचा—''यह मुनि का ही प्रभाव है।'' उसे अपने अनुचित कृत्य पर पश्‍चात्ताप हुआ। वह दौड़ा-दौड़ा मुनि के पास आया और उसने अपना पाप प्रकट कर क्षमायाचना की। मुनि ने धर्म का उपदेश दिया। ब्राह्मण के मन में विरक्ति के भाव उत्पन्न हुए। वह मुनि के पास प्रव्रजित हो गया। उसका नाम सोमदेव था। उसमें जाति का अवलेप था। 'मैं ब्राह्मण हूं, उत्तम जातीय हूं'—यह मद उसमें बना रहा। कालक्रम से मर कर वह देव बना। देव-आयुष्य को पूरा कर जाति-मद के परिपाक से गंगा नदी के तट पर हरिकेश के अधिप 'बलकोष्ठ' नामक चाण्डाल की पत्‍नी 'गौरी' के गर्भ से पुत्र रूप में उत्पन्न हुआ। उसका नाम बल रखा गया। यही बालक हरिकेशबल के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

एक दिन वह अपने साथियों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह लड़ने लगा। लोगों ने जब यह देखा तो उसको दूर ढकेल दिया। दूसरे बालक पूर्ववत् खेलने लगे किन्तु वह दर्शक मात्र ही रहा। इतने में ही एक भयंकर सर्प निकला। लोगों ने उसे पत्थर से मार डाला। कुछ ही क्षणों बाद एक अलसिया निकला। लोगों ने उसे छोड़ दिया। दूर बैठे बालक हरिकेश ने यह सब देखा। उसने सोचा—''प्राणी अपने दोषों से ही दु:ख पाता है। यदि मैं सर्प के समान विषैला होता हूं तो यह स्वाभाविक ही है कि लोग मुझे मारेंगे और यदि मैं अलसिए की तरह निर्विष होता हूं तो कोई दूसरा मुझे क्यों सताएगा?'' चिन्तन आगे बढ़ा। जाति-स्मरण ज्ञान उत्पन्न हुआ। जाति-मद के विपाक का चित्र सामने आ गया। निर्वेद को प्राप्त हो उसने दीक्षा ग्रहण कर ली। मुनि हरिकेशबल श्रामण्य का विशुद्ध रूप से पालन करते हुए तपस्या में लीन रहने लगे। तप के प्रभाव से अनेक यक्ष उनकी सेवा करने लगे। मुनि यक्ष-मन्दिर में कायोत्सर्ग, ध्यान आदि करते। एक बार वे ध्यानलीन खड़े थे। उस समय वाराणसी के राजा कौशिक की पुत्री भद्रा यक्ष की पूजा करने वहां आई। पूजा कर वह प्रदक्षिणा करने लगी। उसकी दृष्टि ध्यानलीन मुनि पर जा टिकी। उनके मैले कपड़े देख उसे घृणा हो आई। आवेश में आ उसने मुनि पर थूक दिया। यक्ष ने यह देखा। उसने सोचा—''इस कुमारी ने मुनि की आशातना की है। इसका फल इसे मिलना ही चाहिए।'' यक्ष कुमारी के शरीर में प्रविष्ट हो गया। कुमारी पागल हो गयी। वह अनर्गल बातें कहने लगी। दासियां उसे राजमहल में ले गयीं। उपचार किया गया पर सब व्यर्थ। यक्ष ने कहा—''इस कुमारी ने एक तपस्वी मुनि का तिरस्कार किया है। यदि यह उस तपस्वी के साथ पाणिग्रहण करना स्वीकार कर लेती है तो मैं इसके शरीर से बाहर निकल सकता हूं, अन्यथा नहीं।'' राजा ने बात स्वीकार कर ली।

राजा अपनी कन्या को साथ ले यक्ष-मन्दिर में आया और उसने मुनि को नमस्कार कर अपनी कन्या को स्वीकार करने की प्रार्थना की। मुनि ने ध्यान पारा और कहा—''राजन्! मैं मुमुक्षु हूं। स्त्री मोक्ष-मार्ग में बाधक है, इसलिए मैं इसका स्पर्श भी नहीं कर सकता।'' इतना कह मुनि पुन: ध्यानलीन हो गए।

कन्या को मुनि के चरणों में छोड़ राजा अपने स्थान पर आ गया। यक्ष ने मुनि का रूप बनाया और राजकन्या का पाणिग्रहण किया। रात भर कन्या वहीं रही। प्रभात में यक्ष दूर हुआ। मुनि ने सही-सही बात कन्या से कही। वह दौड़ी-दौड़ी राजा के पास गई और उसने यक्ष द्वारा ठगे जाने की बात बताई। राजा के पास बैठे रुद्रदेव पुरोहित ने कहा—''राजन्! यह ऋषि-पत्‍नी है। मुनि ने इसे त्याग दिया है, अत: इसे किसी ब्राह्मण को दे देना चाहिए।'' राजा ने उसी पुरोहित को कन्या सौंप दी। वह उसके साथ आनन्दपूर्वक रहने लगा। कुछ काल बीता। पुरोहित ने यज्ञ किया। दूर-दूर से विद्वान् ब्राह्मण बुलाए गए। उन सबके आतिथ्य के लिए प्रचुर भोजन-सामग्री एकत्रित की गई।

उस समय मुनि हरिकेशबल एक-एक मास का तप कर रहे थे। पारणे के दिन वे भिक्षा के लिए घर-घर घूमते हुए उसी यज्ञ-मण्डप में जा पहुंचे।

उसके बाद मुनि और वहां के वरिष्ठ ब्राह्मणों के बीच जो वार्ता-प्रसंग चला उसका संकलन सूत्रकार ने किया है। वार्ता के माध्यम से ब्राह्मण-धर्म और निर्ग्रन्थ-प्रवचन का सार प्रतिपादित हुआ है। सर्वप्रथम ब्राह्मणकुमार मुनि की अवहेलना करते हैं परन्तु अन्त में वे उनसे मार्ग-दर्शन लेते हैं।

इस अध्ययन में निम्‍न विषयों पर चर्चा हुई है—

१. दान का अधिकारी—श्‍लोक १२ से १८।

२. जातिवाद—श्‍लोक ३६

३. यज्ञ—श्‍लोक ३८ से ४४।

४. जल-स्‍नान—श्‍लोक ३८,४५,४६,४७।

बौद्ध-साहित्य में मातंग जातक (४९७) में यह कथा प्रकारांतर से मिलती है।

बारसमं अज्झयणं : हरिएसिज्जं

बारहवां अध्ययन : हरिकेशीय

मूल

१. सोवागकुलसंभूओ, गुणुत्तरधरो मुणी।

हरिएसबलो नाम, आसि भिक्खू जिइंदिओ।।

हिन्‍दी अनुवाद

चाण्डाल-कुल१में उत्पन्न, ज्ञान आदि उत्तम गुणों को धारणा करने वाला, धर्म-अधर्म का मनन करने वाला२हरिकेशबल३नामक जितेन्द्रिय भिक्षु था।

२. इरिएसणभासाए, उच्चारसमिईसु य।

जओ आयाणनिक्खेवे, संजओ सुसमाहिओ।।

वह ईर्या, एषणा, भाषा, उच्चार, आदाननिक्षेप—इन समितियों में सावधान था, संयमी और समाधिस्थ था।

३. मणगुत्तो वयगुत्तो, कायगुत्तो जिइंदिओ।

भिक्खट्ठा बंभइज्जम्मि, जन्नवाडं उवट्ठिओ।।

वह मन, वचन और काया से गुप्त और जितेन्द्रिय था। वह भिक्षा लेने के लिए यज्ञ-मण्डप में गया, जहां ब्राह्मण यज्ञ कर रहे थे।

४. तं पासिऊणमेज्जंतं, तवेण परिसोसियं।

पंतोवहिउवगरणं, उवहसंति अणारिया।।

वह तप से कृश हो गया था। उसके उपधि और उपकरण प्रांत (जीर्ण और मलिन) थे।४ उसे आते देख, वे अनार्य५(ब्राह्मण) हंसे।

५. जाईमयपडिथद्धा, हिंसगा अजिइंदिया।

अबंभचारिणो बाला, इमं वयणमब्बवी।।

जातिमद से मत्त, हिंसक, अजितेन्द्रिय, अब्रह्मचारी और अज्ञानी ब्राह्मणों ने परस्पर इस प्रकार कहा—

६. कयरे आगच्छइ दित्तरूवे, काले विगराले फोक्कनासे।

ओमचेलए पंसुपिसायभूए, संकरदूसं परिहरिय कंठे?।।

बीभत्स रूप वाला,६काला, विकराल, बड़ी नाक वाला,७अधनंगा,८ पांशु-पिशाच (चुडे़ल) सा,९गले में संकर-दूष्य (उकुरडी से उठाया हुआ चिथड़ा) डाले हुए१०वह कौन आ रहा है?

७. कयरे तुमं इय अदंसणिज्जे, काए व आसा इहमागओ सि?

ओमचेलगा पंसुपिसायभूया, गच्छ क्खलाहि किमिहं ठिओसि?।।

ओ अदर्शनीय मूर्ति! तुम कौन हो? किस आशा से यहां आए हो? अधनंगे तुम पांशु-पिशाच (चुड़ेल) से लग रहे हो। जाओ, आंखों से परे चले जाओ११! यहां क्यों खड़े हो?

८. जक्खो तहिं तिंदुयरुक्खवासी, अणुकंपओ तस्स महामुणिस्स।

पच्छायइत्ता नियगं सरीरं, इमाइं वयणाइमुदाहरित्था।।

उस समय महामुनि हरिकेशबल की अनुकंपा करने वाला१२ तिन्दुक (आबनूस) वृक्ष का वासी१३ यक्ष अपने शरीर का गोपन कर मुनि के शरीर में प्रवेश कर इस प्रकार बोला—

९. समणो अहं संजओ बंभयारी, विरओ धणपयणपरिग्गहाओ।

परप्पवित्तस्स उ भिक्खकाले, अन्नस्स अट्ठा इहमागओ मि।।

''मैं श्रमण हूं, संयमी हूं, ब्रह्मचारी हूं,१४ धन व पचन-पाचन और परिग्रह से१५ विरत हूं। यह भिक्षा का काल है। मैं सहज निष्पन्न भोजन पाने के लिए यहां आया हूं।''

१०. वियरिज्जइ खज्जइ भुज्जई य, अन्नं पभूयं भवयाणमेयं।

जाणाहि मे जायणजीविणु त्ति, सेसावसेसं लभऊ तवस्सी।।

''आपके यहां पर यह बहुत सारा भोजन दिया जा रहा है, खाया जा रहा है और भोगा जा रहा है।१६ मैं भिक्षा-जीवी हूं,१७ यह आपको ज्ञात होना चहिए। अच्छा ही है कुछ बचा भोजन१८ इस तपस्वी को मिल जाए।''

११. उवक्खडं भोयण माहणाणं, अत्तट्ठियं सिद्धमिहेगपक्खं।

न ऊ वयं एरिसमन्नपाणं, दाहामु तुज्झं किमिहं ठिओसि?।।

(सोमदेव—) यहां जो भोजन बना है, वह केवल ब्राह्मणों के लिए ही बना है। वह एक-पाक्षिक है१९—अब्राह्मण को अदेय है। ऐसा अन्न-पान२० हम तुम्हें नहीं देंगे, फिर यहां क्यों खड़े हो?

१२. थलेसु बीयाइ ववंति कासगा, तहेव निन्नेसु य आससाए।

एयाए सद्धाए दलाह मज्झं, आराहए पुण्णमिणं खु खेत्तं।।

(यक्ष—) ''अच्छी उपज की आशा से२१ किसान जैसे स्थल (ऊंची भूमि) में बीज बोते हैं, वैसे ही नीची भूमि में बोते हैं। इसी श्रद्धा से (अपने आपको निम्‍न भूमि और मुझे स्थल तुल्य मानते हुए भी तुम) मुझे दान दो, पुण्य की आराधना करो। यह क्षेत्र है, बीज खाली नहीं जाएगा।''

१३. खेत्ताणि अम्हं विइयाणि लोए, जहिं पकिण्णा विरुहंति पुण्णा।

जे माहणा जाइविज्जोववेया, ताइं तु खेत्ताइं सुपेसलाइं।।

(सोमदेव—) ''जहां बोए हुए सारे के सारे बीज उग जाते हैं, वे क्षेत्र इस लोक में हमें ज्ञात हैं। जो ब्राह्मण जाति और विद्या से युक्त२२ हैं, वे ही पुण्य-क्षेत्र हैं।''२३

१४. कोहो य माणो य वहो य जेसिं, मोसं अदत्तं च परिग्गहं च।

ते माहणा जाइविज्जाविहूणा, ताइं तु खेत्ताइं सुपावयाइं।।

(यक्ष—) ''जिनमें क्रोध है, मान है, हिंसा है, झूठ है, चोरी है और परिग्रह है—वे ब्राह्मण जाति-विहीन, विद्या-विहीन और पाप-क्षेत्र हैं।''

१५. तुब्भेत्थ भो! भारधरा गिराणं, अट्ठं न जाणाह अहिज्ज वेए।

उच्चावयाइं मुणिणो चरंति, ताइं तु खेत्ताइं सुपेसलाइं।।

''हे ब्राह्मणो! इस संसार में तुम केवल वाणी का भार ढो रहे हो। वेदों को पढ़कर भी उनका अर्थ नहीं जानते। जो मुनि उच्च और नीच घरों में२४ भिक्षा के लिए जाते हैं, वे ही पुण्य-क्षेत्र हैं।''

१६. अज्झावयाणं पडिकूलभासी, पभाससे किं तु सगासि अम्हं।

अवि एयं विणस्सउ अन्नपाणं, न य णं दाहामु तुमं नियंठा!।।

(सोमदेव—) ''ओ! अध्यापकों के प्रतिकूल बोलने वाले साधु! हमारे समक्ष तू क्या बढ़-बढ़ कर बोल रहा है? हे निर्ग्रन्थ! यह अन्न-पान भले ही सड़ कर नष्ट हो जाए किन्तु तुझे नहीं देंगे।''

१७. समिईहि मज्झं सुसमाहियस्स, गुत्तीहि गुत्तस्स जिइंदियस्स।

जइ मे न दाहित्थ अहेसणिज्जं, किमज्ज जण्णाण लहित्थ लाहं?।।

(यक्ष—) ''मैं समितियों से समाहित, गुप्तियों से गुप्त और जितेन्द्रिय हूं। यह एषणीय (विशुद्ध) आहार यदि तुम मुझे नहीं दोगे, तो इन यज्ञों का आज२५ तुम्हें क्या लाभ होगा?''

१८. के एत्थ खत्ता उवजोइया वा, अज्झावया वा सह खंडिएहिं।

एयं दंडेण फलेण हंता, कंठम्मि घेत्तूण खलेज्ज जो णं?।।

(सोमदेव—) ''यहां कौन है क्षत्रिय,२६ रसोइया,२७ अध्यापक या छात्र,२८ जो डण्डे से पीट, एड़ी का प्रहार कर,२९ गलहत्था दे इस निर्ग्रन्थ को यहां से बाहर निकाले?''

१९. अज्झावयाणं वयणं सुणेत्ता, उद्धाइया तत्थ बहू कुमारा।

दंडेहि वित्तेहि कसेहि चेव, समागया तं इसि तालयंति।।

अध्यापकों का वचन सुनकर बहुत से कुमार उधर दौड़े। वहां आ डण्डों, बेतों और चाबुकों से उस ऋषि को पीटने लगे।

२०. रन्नो तहिं कोसलियस्स धूया, भद्द त्ति नामेण अणिंदियंगी।

तं पासिया संजय हम्ममाणं, कुद्धे कुमारे परिनिव्ववेइ।।

राजा कौशलिक की सुन्दर पुत्री भद्रा यज्ञ-मण्डप में मुनि को प्रताड़ित होते देख क्रुद्ध कुमारों को शांत करने लगी।

२१. देवाभिओगेण निओइएणं, दिन्ना मु रण्णा मणसा न झाया।

नरिंददेविंदऽभिवंदिएणं, जेणम्हि वंता इसिणा स एसो।।

(भद्रा—) ''राजाओं और इन्द्रों द्वारा पूजित यह वह ऋषि हैं, जिसने मेरा त्याग किया। देवता के अभियोग से प्रेरित होकर राजा द्वारा मैं दी गई, किन्तु जिसने मुझे मन से भी नहीं चाहा।''

२२. एसो हु सो उग्गतवो महप्पा, जिइंदिओ संजओ बंभयारी।

जो मे तया नेच्छइ दिज्जमाणिं, पिउणा सयं कोसलिएण रण्णा।।

''यह वही उग्र तपस्वी, महात्मा, जितेन्द्रिय, संयमी और ब्रह्मचारी है, जिसने मुझे स्वयं मेरे पिता राजा कौशलिक द्वारा दिए जाने पर भी नहीं चाहा।''

२३. महाजसो एस महाणुभागो, घोरव्वओ घोरपरक्कमो य।

मा एयं हीलह अहीलणिज्जं, मा सव्वे तेएण भे निद्दहेज्जा।।

''यह महान् यशस्वी है। महान् अनुभाग (अचिन्त्य- शक्ति) से सम्पन्न है। घोर व्रती है। घोर पराक्रमी है।३० इसकी अवहेलना मत करो, यह अवहेलनीय नहीं है। कहीं यह अपने तेज से तुम लोगों को भस्मसात् न कर डाले?''

२४. एयाइं तीसे वयणाइ सोच्चा, पत्तीइ भद्दाइ सुहासियाइं।

इसिस्स वेयावडियट्ठयाए, जक्खा कुमारे विणिवाडयंति।।

सोमदेव पुरोहित की पत्‍नी भद्रा के सुभाषित वचनों को सुनकर यक्षों ने ऋषि का वैयापृत्य३१ (परिचर्या) करने के लिए कुमारों को भूमि पर गिरा दिया।

२५. ते घोररूवा ठिय अंतलिक्खे, असुरा तहिं तं जणं तालयंति।

ते भिन्नदेहे रुहिरं वमंते, पासित्तु भद्दा इणमाहु भुज्जो।।

घोर रूप और रौद्र भाव वाले यक्ष आकाश में स्थिर हो कर उन छात्रों को मारने लगे। उनके शरीरों को क्षत-विक्षत और उन्हें रुधिर का वमन करते देख भद्रा फिर कहने लगी—

२६. गिरिं नहेहिं खणह, अयं दंतेहिं खायह।

जायतेयं पाएहि हणह, जे भिक्खुं अवमन्नह।।

''जो तुम इस भिक्षु का अपमान कर रहे हो, वे तुम नखों से पर्वत खोद रहे हो, दांतों से लोहे को चबा रहे हो और पैरों से अग्‍नि को प्रताड़ित कर रहे हो।''

२७. आसीविसो उग्गतवो महेसी, घोरव्वओ घोरपरक्कमो य।

अगणिं व पक्खंद पयंगसेणा, जे भिक्खुयं भत्तकाले वहेह।।

''यह महर्षि आशीविष लब्धि से सम्पन्न है।३२ उग्र तपस्वी है।३३ घोर व्रती और घोर पराक्रमी है। भिक्षा के समय तुम इस भिक्षु को व्यथित कर पतंग-सेना की भांति अग्‍नि में झंपापात कर रहे हो।''

२८. सीसेण एयं सरणं उवेह, समागया सव्वजणेण तुब्भे।

जइ इच्छह जीवियं वा धणं वा, लोगं पि एसो कुविओ डहेज्जा।।

''यदि तुम जीवन और धन चाहते हो तो सब मिलकर, सिर झुका कर इस मुनि की शरण में आओ। कुपित होने पर यह समूचे संसार को भस्म कर सकता है।''३४

२९. अवहेडिय पिट्ठिसउत्तमंगे, पसारिया बाहु अकम्मचेट्ठे।

निब्भेरियच्छे रुहिरं वमंते, उड्ढंमुहे निग्गयजीहनेत्ते।।

उन छात्रों के सिर पीठ की ओर झुक गए। उनकी भुजाएं फैल गईं। वे निष्क्रिय३५ हो गए। उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं।३६ उनके मुंह से रुधिर निकलने लगा। उनके मुंह ऊपर को हो गए। उनकी जीभें और नेत्र बाहर निकल आए।

३०. ते पासिया खंडिय कट्ठभूए, विमणो विसण्णो अह माहणो सो।

इसिं पसाएइ सभारियाओ, हीलं च निंदं च खमाह भंते!।।

उन छात्रों को काठ की तरह निश्‍चेष्ट देख कर वह सोमदेव ब्राह्मण उदास और घबराया हुआ अपनी पत्‍नी सहित मुनि के पास आ उन्हें प्रसन्न करने लगा—''भंते! हमने जो अवहेलना और निन्दा की उसे क्षमा करें।''

३१. बालेहि मूढेहि अयाणएहिं, जं हीलिया तस्स खमाह भंते!।

महप्पसाया इसिणो हवंति, न हु मुणी कोवपरा हवंति।।

''भंते! मूढ़ बालकों ने अज्ञानवश जो आपकी अवहेलना की, उसे आप क्षमा करें। ऋषि महान् प्रसन्नचित्त होते हैं। मुनि कोप नहीं किया करते।''

३२. पुव्विं च इण्हिं च अणागयं च, मणप्पदोसो न मे अत्थि कोइ।

जक्खा हु वेयावडियं करेंति, तम्हा हु एए निहया कुमारा।।

(मुनि—) ''मेरे मन में कोई प्रद्वेष न पहले था, न अभी है और न आगे भी होगा। किंतु यक्ष मेरा वैयापृत्य कर रहे हैं। इसीलिए ये कुमार प्रताड़ित हुए।''

३३. अत्थं च धम्मं च वियाणमाणा, तुब्भे न वि कुप्पह भूइपण्णा।

तुब्भं तु पाए सरणं उवेमो, समागया सव्वजणेण अम्हे।।

(सोमदेव—) ''अर्थ३७ और धर्म को जानने वाले भूति-प्रज्ञ३८ (मंगल-प्रज्ञा युक्त) आप कोप नहीं करते। इसलिए हम सब मिल कर आपके चरणों की शरण ले रहे हैं।''

३४. अच्चेमु ते महाभाग!, न ते किंचि न अच्चिमो।

भुंजाहि सालिमं कूरं, नाणावंजणसंजुयं।।

''महाभाग! हम आपकी अर्चा करते हैं। आपका कुछ भी ऐसा नहीं है, जिसकी हम अर्चा न करें। आप नाना व्यंजनों से युक्त चावल-निष्पन्न भोजन ले कर खाइए।''

३५. इमं च मे अत्थि पभूयमन्नं, तं भुंजसू अम्ह अणुग्गहट्ठा।

बाढं ति पडिच्छइ भत्तपाणं, मासस्स ऊ पारणए महप्पा।।

''मेरे यहां प्रचुर भोजन३९ पड़ा है। हमें अनुगृहीत करने के लिए आप कुछ खाएं।'' महात्मा हरिकेशबल ने हां भर ली और एक मास की तपस्या का पारणा करने के लिए भक्त-पान लिया।

३६. तहियं गंधोदयपुप्फवासं, दिव्वा तहिं वसुहारा य वुट्ठा।

पहयाओ दुंदुहीओ सुरेहिं, आगासे अहो दाणं च घुट्ठं।।

देवों ने वहां सुगन्धित जल, पुष्प और दिव्य धन की वर्षा की। आकाश में दुन्दुभि बजाई और 'अहोदानम्' (आश्‍चर्यकारी दान)—इस प्रकार का घोष किया।

३७. सक्खं खु दीसइ तवोविसेसो, न दीसई जाइविसेस कोई।

सोवागपुत्ते हरिएससाहू, जस्सेरिसा इड्ढि महाणुभागा।।

यह प्रत्यक्ष ही तप की महिमा दीख रही है, जाति की कोई महिमा नहीं है।४० जिसकी ऋद्धि ऐसी महान् (अचिन्त्य शक्ति-सम्पन्न) है, वह हरिकेश मुनि चाण्डाल का पुत्र है।

३८. किं माहणा! जोइसमारभंता, उदएण सोहिं बहिया विमग्गहा?।

जं मग्गहा बाहिरियं विसोहि, न तं सुदिट्ठं कुसला वयंति।।

(मुनि—) ''ब्राह्मणो! अग्‍नि का समारम्भ (यज्ञ) करते हुए तुम बाहर से (जल से) शुद्धि की४१ क्या४२ मांग कर रहे हो? जिस शुद्धि की बाहर से मांग कर रहे हो, उसे कुशल लोग४३ सुदृष्ट (सम्यग्दर्शन) नहीं कहते।''४४

३९. कुसं च जूवं तणकट्ठमग्गिं, सायं च पायं उदगं फुसंता।

पाणाइ भूयाइ विहेडयंता, भुज्जो वि मंदा! पगरेह पावं।।

''दर्भ, यूप (यज्ञ-स्तम्भ), तृण, काष्ठ और अग्‍नि का उपयोग करते हुए, संध्या और प्रात:काल में जल का स्पर्श करते हुए, प्राणों ओर भूतों की हिंसा करते हुए, मंदबुद्धि वाले तुम बार-बार पाप करते हो।''

४०. कहं चरे? भिक्खु! वयं यजामो?, पावाइ कम्माइ पणोल्लयामो?।

अक्खाहि णे संजय! जक्खपूइया!, कहं सुजट्ठं कुसला वयंति?।।

(सोमदेव—) ''हे भिक्षो! हम कैसे प्रवृत्त हों? यज्ञ कैसे करें? जिससे पाप-कर्मों का नाश कर सकें। यक्ष-पूजित संयत! आप हमें बताएं—कुशल पुरुषों ने सुइष्ट (श्रेष्ठ-यज्ञ) का विधान किस प्रकार किया है?''

४१. छज्जीवकाए असमारभंता, मोसं अदत्तं च असेवमाणा।

परिग्गहं इत्थिओ माणमायं, एयं परिण्णाय चरंति दंता।।

(मुनि—) ''मन और इन्द्रियों का दमन करने वाले छह जीव-निकाय की हिंसा नहीं करते; असत्य और चौर्य का सेवन नहीं करते; परिग्रह, स्त्री, मान और माया का परित्याग करके विचरण करते हैं।''

४२. सुसंवुडो पंचहिं संवरेहिं, इह जीवियं अणवकंखमाणो।

वोसट्ठकाओ सुइचत्तदेहो, महाजयं जयई जन्नसिट्ठं।।

''जो पांच संवरों से सुसंवृत होता है, जो असंयम जीवन की इच्छा नहीं करता, जो काय का व्युत्सर्ग करता है, जो शुचि है और जो देह का त्याग करता है,४५ वह यज्ञों में श्रेष्ठ महायज्ञ४६ करता है।''

४३. के ते जोई? के व ते जोइठाणे?, का ते सुया? किं व ते कारिसंगं?।

एहा य ते कयरा? संति? भिक्खू!, कयरेण होमेण हुणासि जोइं?।।

(सोमदेव—) ''भिक्षो! तुम्हारी ज्योति—अग्‍नि कौन-सी है? तुम्हारा ज्योति-स्थान (अग्‍नि-स्थान) कौन-सा है? तुम्हारे घी डालने की करछियां४७ कौन-सी हैं? तुम्हारे अग्‍नि को जलाने के कण्डे कौन-से हैं? तुम्हारे ईंधन और शांति-पाठ कौन-से हैं? और किस होम से तुम ज्योति को हुत (प्रीणित) करते हो?''

४४. तवो जोई जीवो जोइठाणं, जोगा सुया सरीरं कारिसंगं।

कम्म एहा संजमजोगसंती, होमं हुणामी इसिणं पसत्थं।।

(मुनि—) ''तप ज्योति है। जीव ज्योति-स्थान है। योग (मन, वचन और काया की सत् प्रवृत्ति) घी डालने की करछियां हैं। शरीर अग्‍नि जलाने के कण्डे हैं। कर्म ईंधन है। संयम की प्रवृत्ति शांति-पाठ है। इस प्रकार मैं ऋषि-प्रशस्त (अहिंसक) होम करता हूं।''

४५. के ते हरए? के य ते संतितित्थे?, कहिंसि ण्हाओ व रयं जहासि?।

आइक्ख णे संजए! जक्खपूइया!, इच्छामो नाउं भवओ सगासे।।

(सोमदेव—) ''आपका नद (जलाशय) कौन सा है? आपका शान्तितीर्थ४८ कौन-सा है? आप कहां नहाकर कर्मरज धोते हैं? हे यक्ष-पूजित संयत! हम आपसे जानना चाहते हैं, आप बताइए।''

४६. धम्मे हरए बंभे संतितित्थे, अणाविले अत्तपसन्नलेसे।

जहिंसि ण्हाओ विमलो विसुद्धो, सुसीइभूओ पजहामि दोसं।।

(मुनि—) ''अकलुषित एवं आत्मा का प्रसन्न-लेश्या वाला४९ धर्म मेरा ह्रद (जलाशय) है। ब्रह्मचर्य मेरा शांतितीर्थ है, जहां नहाकर मैं विमल, विशुद्ध और सुशीतल होकर कर्म-रज५० का त्याग करता हूं।''५१

४७. एयं सिणाणं कुसलेहि दिट्ठं, महासिणाणं इसिणं पसत्थं।

जहिंसि ण्हाया विमला विसुद्धा, महारिसी उत्तम ठाण पत्त।।

''यह स्‍नान कुशल पुरुषों द्वारा दृष्ट है। यह महास्‍नान है।५२ अत: ऋषियों के लिए यही प्रशस्त है। इस धर्म-नद में नहाए हुए महर्षि विमल और विशुद्ध होकर उत्तम-स्थान (मुक्ति) को प्राप्त हुए।''

—त्ति बेमि।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १२ : हरिकेशीय

१. चाण्डाल कुल (सोवागकुल)

बृहद्वृत्ति के अनुसार 'श्‍वपाक' का अर्थ चाण्डाल है। चूर्णिकार के अनुसार जिस कुल में कुत्ते का मांस पकाया जाता है, वह 'श्‍वपाक-कुल' कहलाता है। श्‍वपाक-कुल की तुलना वाल्मीकि रामायण में वर्णित मुष्टिक लोगों से होती है। वे श्‍वानमांस-भक्षी, शव के वस्त्रों का उपयोग करने वाले, भयंकर-दर्शन—विकृत आकृति वाले तथा दुराचारी होते थे।

२. (मुणी)

चूर्णिकार के अनुसार धर्म-अधर्म का मनन करने वाला मुनि होता है। बृहद्वृत्तिकार ने सर्व विरति की प्रतिज्ञा लेने वाले को मुनि कहा है।

३. हरिकेशबल (हरिएसबलो)

मुनि का नाम 'बल' था और 'हरिकेश' उनका गोत्र था। नाम के पूर्व गोत्र का प्रयोग होता था, इसलिए वे 'हरिकेशबल' नाम से प्रसिद्ध थे।

४. (पंतोवहिउवगरणं)

इसमें तीन शब्द हैं—प्रान्त्य, उपधि और उपकरण। प्रान्त्य का अर्थ है—जीर्ण और मलिन। जो वस्तु निम्‍नकोटि की होती है, उसे प्रान्त्य या प्रान्त कहा जाता है। यहां यह उपधि और उपकरण से संबद्ध है। उपधि का अर्थ है—साधु के रखने योग्य वस्त्र आदि। ये धार्मिक शरीर का उपकार करते हैं, इसलिए इन्हें उपकरण कहा जाता है।

५. अनार्य (अणारिया)

अनार्य शब्द मूलत: जातिवाचक था। किन्तु अर्थ-परिवर्तन होते-होते वह आचरणवाची बन गया। उत्तम-आचरण करने वाले को आर्य और अधर्म-आचरण करने वाले को अनार्य कहा जाने लगा। ब्राह्मणों को यहां आचरण की दृष्टि से अनार्य कहा है।

६. बीभत्स रूप वाला (दित्तरूवे)

'दित्तरूवे'—इसके संस्कृत रूप दो होते हैं—दीप्तरूप और दृप्तरूप। दीप्त के अनेक अर्थ हैं—भास्वर, तेजस्वी, कांतियुक्त आदि। दृप्त के अर्थ हैं—गर्वयुक्त, बीभत्स, डरावना आदि। प्रस्तुत प्रसंग में यह शब्द 'दृप्तरूप' बीभत्स रूप वाला के अर्थ में प्रयुक्त है।

चूर्णिकार ने 'दीप्तरूप' के दो अर्थ किए हैं—अदीप्तरूप अथवा पिशाच की भांति विकृत दीप्तरूप। वृत्तिकार ने 'दीप्त' शब्द को बीभत्स वाचक माना है। जिस प्रकार अत्यन्त जलने वाले फोड़ों के लिए 'शीतल' (शीतला का रोग) शब्द का व्यवहार होता है, उसी प्रकार विकृत दुर्दर्शरूप वाले के लिए 'दीप्तरूप' का प्रयोग हुआ है।

७. बड़ी नाक वाला (फोक्कनासे)

'फोक्क' देशी शब्द है। इसका अर्थ है—आगे से मोटा और उभरा हुआ। हरिकेशबल की नाक ऐसी ही थी।

८. अधनंगा (ओमचेलए)

ओमचेल का अर्थ 'अचेल' भी हो सकता है। किन्तु यहां इसका अर्थ—अल्प या जीर्ण वस्त्र वाला है।

९. पांशु-पिशाच (चुड़ेल) सा (पंसुपिसायभूए)

लौकिक मान्यता के अनुसार पिशाच के दाढ़ी, नख और रोंए लम्बे होते हैं और वह धूल से सना हुआ होता है। मुनि भी शरीर की सार-सम्हाल न करने और धूल से सने हुए होने के कारण पिशाच जैसे लगते थे। पांशुपिशाच का अर्थ चुड़ेल भी है।

१०. (संकरदूसं परिहरिय)

इसका अर्थ है—गले में संकर-दूष्य (उकुरड़ी से उठाया हुआ चिथड़ा) डाले हुए। संकर का अर्थ है—तृण, धूल, राख, गोबर आदि कूड़े-कर्कट का ढेर, उकुरड़ी। वहां वे ही वस्त्र डाले जाते हैं जो अत्यन्त निकृष्ट एवं अनुपयोगी होते हैं। मुनि के वस्त्र भी वैसे ही थे या वे फेंकने योग्य वस्त्रों को भी ग्रहण करते थे, इसलिए उनके दूष्य (वस्त्र) को 'संकर-दूष्य' कहा गया है।

मुनि अभिग्रहधारी थे। जो अभिग्रहधारी होते हैं वे अपने वस्त्रों को जहां जाते हैं वहां साथ ही रखते हैं, कहीं पर भी छोड़कर नहीं जाते। इसलिए उनके वस्त्र भी उनके साथ ही थे।

वस्त्र मुनि के कन्धे पर रखे हुए थे। कन्धा कण्ठ का पार्श्‍ववर्ती भाग है। इसलिए उसे कण्ठ ही मान कर यहां कण्ठ शब्द का प्रयोग हुआ है।

'परिहर' यह पहनने के अर्थ में आगमिक धातु है।

११. (खलाहि)

यह देशीपद है। चूर्णिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—

१. 'चला जा'—ऐसा तिरस्कारयुक्त गमन का निर्देशवचन।

२. इस स्थान से हट जा।

वृत्तिकार ने केवल दूसरा अर्थ ही माना है। इसका तात्पर्य है—हमारी आंखों के सामने से हट जा।

१२. अनुकम्पा करने वाला (अणुकंपओ)

अनुकम्पा का अर्थ है—अनुरूप या अनुकूल क्रिया की प्रवृत्ति। यक्ष मुनि के प्रति आकृष्ट था, उनके अनुकूल प्रवर्तन करता था, इसलिए उसे 'अनुकम्पक' कहा गया है।

१३. तिन्दुक (आबनूस) वृक्ष का वासी (तिंदुयरुक्खवासी)

ब्राह्मणों ने मुनि का तिरस्कार किया किन्तु वे कुछ भी नहीं बोले, शांत रहे। उस समय आबनूस वृक्ष पर रहने वाले यक्ष ने, जो मुनि के तप से आकृष्ट हो मुनि का अनुगमन करता था, जो चेष्टाएं कीं, वे इस श्‍लोक में बताई गई हैं। मुनि जहां-जहां जाते वह यक्ष अदृश रूप में सदा उनके साथ रहता।

चूर्णिकार के अनुसार आबनूस का एक वन था। उसके बीच में एक बड़ा आबनूस का वृक्ष था। उस पर वह यक्ष निवास करता था। उसके नीचे चैत्य था। मुनि उसमें ध्यान करते थे।

१४. (समणो संजओ बंभयारी)

मैं श्रमण हूं, संयमी हूं, ब्रह्मचारी हूं। श्रमण वही होता है जो संयत है। संयत वही होता है जो ब्रह्मचारी है। इस प्रकार इन तीनों शब्दों में हेतु-हेतुमद्भाव सम्बन्ध है।

१५. धन व पचन-पाचन और परिग्रह से (धणपयणपरिग्गहाओ)

गाय आदि चतुष्पद प्राणियों को धन कहते हैं। राजस्थान में अब भी यह शब्द इस अर्थ में प्रचलित है। चूर्णिकार ने परिग्रह का अर्थ स्वर्ण आदि किया है। शान्त्याचार्य के अनुसार इसका अर्थ द्रव्य आदि में होने वाली मूर्च्छा—ममत्व है।

१६. खाया जा रहा है और भोगा जा रहा है (खज्जइ भुज्जई)

यहां खाद् और भुज् दो धातुओं का प्रयोग हुआ है। सामान्यत: इन दोनों का प्रयोग खाने के अर्थ में होता है, किन्तु इनमें अर्थ-भेद भी है। चूर्णि के अनुसार खाद्य खाया जाता है और भोज्य भोगा जाता है।

बृहद्वृत्ति के अनुसार 'खाजा' आदि तले हुए पदार्थ खाद्य हैं और दाल-चावल आदि पदार्थ भोज्य कहलाते हैं।

१७. भिक्षा-जीवी हूं (जायणजीविणु)

इसका संस्कृत रूप 'याचनजीवनम्' या 'याचनजीविनम्' बनता है। जहां 'याचनजीवनम्' माना जाए वहां प्राकृत में जो इकार है, वह अलाक्षणिक माना जाए। इसका अर्थ है—याचना के द्वारा जीवन चलाने वाला। इसका वैकल्पिक रूप 'याचनजीविनम्' है। इसके प्राकृत रूप में द्वितीया विभक्ति के अर्थ में षष्ठी विभक्ति है। याचन-जीवी अर्थात् याचना से जीवन चलाने के स्वभाव वाला। 'जायणजीविण' का पाठांतर है 'जायण जीवण'। इसमें प्रथमा विभक्ति है।

१८. कुछ बचा भोजन (सेसावसेसं)

चूर्णि के अनुसार इसका अर्थ है—खा लेने के बाद बचा हुआ भोजन। वृत्ति में इसका अर्थ है—काम में ले लेने के पश्‍चात् शेष में बचा-खुचा अर्थात् अन्तप्रांत भोजन। अन्तप्रांत का एक अर्थ तुच्छ भोजन भी होता है।

१९. एकपाक्षिक (एगपक्खं)

यज्ञ का भोजन केवल ब्राह्मणों को दिया जा सकता है। वह ब्राह्मणेतर जातियों को नहीं दिया जा सकता, शूद्रों को तो दिया ही नहीं जा सकता। इस मान्यता के आधार पर उसे 'एकपाक्षिक' कहा गया है।

चूर्णिकार ने यहां एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत कर शूद्रों के प्रति किए जाने वाले व्यवहार का निर्देश किया है—

'न शूद्राय बलिं दद्यात्, नोच्छिष्टं न हवि:कृतम्।

न चास्योपदिशेद् धर्मं, न चास्य व्रतमादिशेत्।।'

शूद्र व्यक्ति को न बलि का भोजन दिया जाए, न उच्छिष्ट भोजन और न आहुतिकृत भोजन ही दिया जाए। उसे धर्म का उपदेश भी नहीं देना चाहिए और व्रत भी नहीं दिलाना चाहिए।

२०. पान (पाणं)

यह शब्द सामान्य पानी के अर्थ में प्रयुक्त नहीं है। इसका अर्थ है—द्राक्षापान आदि पानक। सोलहवें श्‍लोक में प्रयुक्त 'पान' का अर्थ है—कांजि आदि।

देखें-दसवेआलियं ५।१।४७ का टिप्पण।

२१. आशा से (आससाए)

यदि अधिक वर्षा होगी तो ऊंची भूमि में अच्छी उपज होगी और कम वर्षा होगी तो नीची भूमि में अच्छी उपज होगी— इस आशा से किसान ऊंची और नीची भूमि में बीज बोते हैं।

२२. जाति और विद्या से युक्त (जाइविज्जोववेया)

चूर्णिकार ने 'विज्जा' का अर्थ वेद किया है। उनका अभिमत है कि यहां छंद रचना की दृष्टि से वेद के स्थान पर विज्जा का प्रयोग किया है।

२३. पुण्य-क्षेत्र हैं (सुपेसलाइं)

सुपेशल का अर्थ श्रेष्ठ या प्रीतिकर किया गया है। किन्तु यह 'सुपावयाइं' (श्‍लोक १४) का प्रतिपक्षी है, इसलिए हमने इसका अनुवाद 'पुण्य' किया है।

यज्ञवाट के ब्राह्मणों ने मुनि हरिकेश से कहा—ब्राह्मण ही श्रेष्ठ क्षेत्र हैं। तुम शूद्र जाति के हो, इसीलिए वेद आदि चौदह विद्याओं से बहिर्भूत हो। तुम दानपात्र नहीं हो सकते। कहा है—

'सममब्राह्मणे दानं, द्विगुणं ब्रह्मबन्धुषु।

सहस्रगुणमाचार्ये, अनन्तं वेदपारगे।।'

—अब्राह्मण को दिया गया दान समफल वाला, ब्राह्मण को दिया गया दान दुगुने फल वाला, आचार्य को दिया गया दान सहस्रगुण फल वाला और वेद के पारगामी विद्वान् को दिया गया दान अनन्त फल वाला होता है।

बृहद्वृत्ति में यही श्‍लोक कुछ पाठभेद से प्राप्त है।

२४. उच्च और नीच घरों में (उच्चावयाइं)

'उच्चावयाइं' के संस्कृत रूप दो बन सकते हैं—उच्चावचानि और उच्चव्रतानि। 'उच्चावच' का अर्थ—ऊंच-नीच घर या नाना प्रकार के तप। उच्चव्रत अर्थात् दूसरे व्रतों की अपेक्षा से महान् व्रत—महाव्रत। मुनि ऊंच-नीच घरों में भिक्षा के लिए भ्रमण करते हैं अथवा नाना प्रकार के तपों और महाव्रतों का आचरण करते हैं।

२५. आज (अज्ज)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं और अर्थ भी दो हैं—

अज्ज—अद्य—आज।

अज्ज—आर्य—आर्य पुरुष।

२६. क्षत्रिय (खत्ता)

खत्ता शब्द के संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—'क्षत्रा' और क्षत्ता:। इन दोनों के दो अर्थ हैं। क्षत्र का अर्थ है—क्षत्रिय और क्षत्ता का अर्थ है—वर्णसंकर।

२७. (उवजोइया)

उपज्योतिष्क का अर्थ है—अग्‍नि के समीप रहने वाला रसोइया या यज्ञ करने वाला।

२८. छात्र (खंडिएहिं)

यह देशी शब्द है। इसके तीन अर्थ हैं—छात्र, स्तुतिपाठक और अनिषेध्य। यहां प्रथम दो अर्थ प्रासंगिक हैं। चूर्णि में 'चट्टा—छात्रा' यह वाक्यांश प्राप्त है। वृत्ति में खंडिक का अर्थ छात्र किया है।

२९. (दंडेण फलेण)

बृहद्वृत्ति में दण्ड का मुख्य अर्थ 'बांस की लाठी आदि मारक-वस्तु' और विकल्प में उसका अर्थ 'कोहनी का प्रहार' किया गया है। चूर्णि में इसका अर्थ 'कोहनी का प्रहार' किया है।

चूर्णि में 'फल' का अर्थ 'एड़ी का प्रहार' किया है। बृहद्वृत्ति में फल का मूल अर्थ 'बिल्व आदि फल' किया है और इसका वैकल्पिक अर्थ—मुष्टि का प्रहार—माना है। समवायांग की वृत्ति में इसका अर्थ योगभावित मातुलिंग आदि फल मिलता है। हिन्दी कोश में फल का अर्थ—तलवार आदि की धार भी मिलता है। बृहद्वृत्तिकार का अर्थ अप्रासंगिक नहीं है।

३०. (महाजसो महाणुभागो घोरव्वओ घोरपरक्कमो)

प्रस्तुत तेवीसवें श्‍लोक के प्रथम दो चरणों में ये चार विशेष शब्द प्रयुक्त हुए हैं। उनका अर्थ-बोध इस प्रकार है—

महाजसो—जिसका यश त्रिभुवन में विख्यात है, वह 'महायशा' कहलाता है।

महाणुभागो—भाग का अर्थ है—'अचिन्त्य शक्ति'। जिसे महान् अचिन्त्य शक्ति प्राप्त हो उसे 'महाभाग' (महाप्रभावशाली) कहा जाता है। चूर्णिकार के अनुसार यह पाठ 'महाणुभावो' है और इसका अर्थ है—अनुग्रह और निग्रह करने में समर्थ।

घोरव्वओ—जो अत्यन्त दुर्धर महाव्रतों को धारण किए हुए हो, उसे 'घोरव्रत' कहा जाता है।

घोरपरक्कमो—जिसमें कषाय आदि को जीतने का प्रचुर सामर्थ्य हो, उसे 'घोर पराक्रम' कहा जाता है।

देखें—१४।५० के 'घोरपरक्कमा' का टिप्पण।

३१. वैयापृत्य (परिचर्या) (वेयावडिय)

जिससे कर्म का विदारण होता है, उसे 'वेदावडित' कहा जाता है, यह चूर्णि की व्युत्पत्ति है।

शान्त्याचार्य ने इसका संस्कृत रूप वैयावृत्त्य किया है। यहां और ३२वें श्‍लोक में वैयावृत्त्य का प्रयोग प्रत्यनीक-निवारण (विरोधी से रक्षा) के अर्थ में हुआ है। वैयापृत्त्य और वैयावृत्त्य की विशेष जानकारी के लिए देखें—दसवेआलियं ३।६ का टिप्पण।

३२. आशीविषलब्धि से संपन्न है (आसीविओ)

आशीविषलब्धि एक योगजन्य विभूति है। इसके द्वारा व्यक्ति अनुग्रह और निग्रह करने में समर्थ हो जाता है। इसका दूसरा अर्थ है—यह मुनि आशीविष सांप जैसा है। जो सांप की अवहेलना करता है वह मृत्यु को प्राप्त करता है, उसी प्रकार मुनि की अवहेलना करने वाले को भी मरना पड़ता है।

तत्त्वार्थवार्तिक के अनुसार 'आस्याविष' और 'आस्यविष' ये भिन्न-भिन्न लब्धियां हैं। उग्र विष से मिश्रित आहार जिनके मुख में जाकर निर्विष हो जाता है अथवा मुख से निकले हुए वचनों को सुनने मात्र से महाविष व्याप्त व्यक्ति निर्विष हो जाते हैं, वे 'आस्याविष' हैं। जिस प्रकृष्ट तपस्वी यति के 'मर जाओ' आदि शाप से व्यक्ति तुरन्त मर जाता है, वे 'आस्यविष' हैं।

आशी का एक अर्थ इच्छा भी हो सकता है। जिसकी इच्छा विष बन जाती है उसे आशीविष कहा जाता है। ऐसा देखा जाता है कि किसी-किसी मनुष्य की इच्छा (टपकार) से मकान फट जाता है।

३३. उग्र तपस्वी है (उग्गतवो)

जो एक, दो, तीन, चार, पांच पक्ष अथवा मास आदि उपवास-योग में से किसी एक उपवास-योग का आरम्भ कर जीवन पर्यन्त उसका निर्वाह करता है, उसे 'उग्र तपस्वी' कहा जाता है।

३४. (लोगं पि एसो........)

मुनि कुपित होने पर समूचे विश्‍व को भस्म कर सकता है। वाचक का मन्तव्य है—'कल्पान्तोग्रानलवत् प्रज्वलनं तेजसैकतस्तेषाम्'—जैसे प्रलयकाल की उग्र अग्‍नि प्रज्वलित होती है, वैसे ही ये तपस्वी मुनि अपनी तैजस शक्ति से युक्त होते हैं।

'न तद् दूरं यदश्‍वेषु, यच्चाग्‍नौ यच्च मारुते।

विषे च रुधिरप्राप्ते, साधौ च कृतनिश्‍चये।।'

—अश्‍व, अग्‍नि और पवन के लिए कुछ भी दूर नहीं होता। जो विष रक्तगत हो जाता है, उसके लिए मारना सरल हो जाता है। वैसे ही संकल्पवान् मुनि के लिए कुछ भी अप्राप्य नहीं होता।

३५. निष्क्रिय (अकम्मचेट्ठे)

बृहद्वृत्ति में इसके दो अर्थ प्राप्त होते हैं-

(१) जिनके कार्य की हेतुभूत चेष्टाएं रुक गई हों।

(२) जिनकी यज्ञ की अग्‍नि में ईंधन आदि डालने की प्रवृत्ति बन्द हो गई हो।

३६. (निब्भेरिय......)

निब्भेरिय—यह देशी शब्द है। चूर्णिकार ने इसका अर्थ निर्गत—बाहर निकला हुआ और वृत्तिकार ने प्रसारित किया है।

३७. अर्थ (अत्थं)

'अर्थ' शब्द के अनेक अर्थ हैं—प्रयोजन, अध्यात्मशास्त्र का प्रतिपाद्य अथवा अभिधेय वस्तु, सत्य, धन आदि। वृत्ति में दो अर्थ उपलब्ध हैं—वस्तु और अभिधेय।

अर्थ ज्ञेय होता है, इसलिए उसका एक अर्थ—सब वस्तुएं हो सकता है। किन्तु यहां प्रकरण से शुभ-अशुभ कर्मों या राग-द्वेष के फल को 'अर्थ' कहा गया है। अथवा शास्त्रों का प्रतिपाद्य—इस अर्थ में भी वह प्रयुक्त हो सकता है। यहां अर्थ शब्द 'सत्य' के अर्थ में प्रयुक्त है।

३८. भूतिप्रज्ञ (भूइपन्ना)

भूति के तीन अर्थ किए गए हैं—मंगल, वृत्ति और रक्षा। प्रज्ञा का अर्थ है वह बुद्धि जिससे पहले ही जान लिया जाता है। जिसकी बुद्धि सर्वोत्तम मंगल, सर्वश्रेष्ठ वृद्धि या सर्वभूत-हिताय प्रवृत्त हो, वह 'भूतिप्रज्ञ' कहलाता है।

३९. प्रचुर भोजन (पभूयमन्नं)

यहां प्रचुर अन्न के द्वारा यज्ञ में बने पूड़े, खाजे आदि सारे खाद्य पदार्थों को लेने का मुनि से अनुरोध किया गया है। चावल के बने भोजन को सबसे मुख्य माना जाता था। इसलिए पिछले श्‍लोक में उसके लिए पृथक् रूप से अनुरोध किया है।

४०. जाति की कोई महिमा नहीं है (न दीसई जाइविसेस कोई)

जैन दर्शन के अनुसार जातिवाद अतात्त्विक है। भगवान् महावीर ने कहा—एक जीव अनेक बार उच्च गोत्र में उत्पन्न हुआ और अनेक बार नीच गोत्र में जन्मा, इसलिए न कोई छोटा है और न कोई बड़ा। मनुष्य अपने कर्मों से ब्राह्मण होता है, कर्मों से क्षत्रिय, कर्मों से वैश्य और कर्मों से शूद्र। मनुष्य की सुरक्षा उसके ज्ञान और आचार से होती है, जाति और कुल से नहीं। भगवान् महावीर ने यह कभी स्वीकार नहीं किया कि ब्राह्मण जाति में उत्पन्न व्यक्ति चाहे कैसी भी दुष्प्रवृत्ति करे, श्रेष्ठ है और शूद्र जाति में उत्पन्न व्यक्ति चाहे कितना भी तपश्‍चरण करे, नीच है। वस्तुत: व्यक्ति की उच्चता और नीचता की कसौटी तप, संयम और पवित्रता है, जाति नहीं। जो जितना आचारवान् है वह उतना ही उच्च है और जो जितना आचारभ्रष्ट है वह उतना ही नीच है। वह फिर जाति से ब्राह्मण हो या शूद्र। शूद्र जाति में उत्पन्न होने से वह ज्ञान का अधिकारी नहीं, यह भी मान्य नहीं है। ब्राह्मण परम्परा के अनुसार ब्राह्मणों के लिए शूद्र को वेदों का ज्ञान देना निषिद्ध था। लंका में विलाप करती हुई सीता कहती है—''मैं अनार्य रावण को अपना अनुराग वैसे ही अर्पित नहीं कर सकती जैसे ब्राह्मण शूद्र को मंत्र-ज्ञान नहीं दे सकता।'' जैन संघ में दीक्षित होकर जिस प्रकार ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्यों को साधना करने का अधिकार था, वैसे ही शूद्रों को। हरिकेशबल मुनि उसके एक ज्वलन्त उदाहरण हैं।

४१. बाहर से (जल से) शुद्धि की (सोहिं बहिया)

शोधि का अर्थ है—शुद्धि-निर्मलता। शोधि दो प्रकार की होती है—द्रव्यशोधि और भावशोधि।

मलिन वस्त्रों को पानी से धोना द्रव्यशोधि है और तप, संयम आदि के द्वारा आठ प्रकार के कर्ममलों का प्रक्षालन करना भावशोधि है। द्रव्यशोधि बाह्यशोधि होती है। इसका कोई धार्मिक मूल्य नहीं है। वाचक प्रवर ने लिखा है—

'शौचमाध्यात्मिकं त्यक्त्वा, भावशुद्ध्यात्मकं शुभं।

जलादिशौचं यथेष्टं, मूढविस्मापकं हि तत्।।'

४२. (किं)

इसका प्रयोग दो अर्थों में होता है—क्षेप और पृच्छा। यहां यह क्षेप—निंदा या तिरस्कार के अर्थ में प्रयुक्त है।

४३. कुशल लोग (कुसला)

'कुशं लुनातीति कुशल:'—जो कुश—घास को काटता है, वह कुशल कहलाता है। यह इस शब्द का व्युत्पत्तिलभ्य अर्थ है।

चूर्णि में 'कुशल' का अर्थ—कर्म-बंधन को काटने वाला किया है। वृत्ति के अनुसार कुशल वह है जो तत्त्व-विचारणा में निपुण है।

४४. (श्‍लोक ३८)

प्रस्तुत श्‍लोक का चौथा पद है—'न तं सुदिट्ठं कुसला वयंति' तथा चालीसवें श्‍लोक का चौथा पद है—'न तं सुजट्ठं कुसला वयंति'। 'सुजट्ठं' का संस्कृत रूप है 'सु-इष्ट' (स्विष्टं) और अर्थ है—श्रेष्ठ यज्ञ। प्रस्तुत श्‍लोक के चौथे पद का भी यही अर्थ अभिप्रेत है। इसलिए 'सुदिट्ठं' के स्थान पर 'सुजट्ठं' अथवा 'सुइट्ठं' पाठ की संभावना की जा सकती है। चूर्णि और वृत्ति में 'सुदिट्ठं' पाठ ही व्याख्यात है।

४५. (सुसंवुडो पंचहिं संवरेहिं, वोसट्ठकाओ सुइचत्तदेहो)

सुसंवुडो—जिसके प्राणातिपात आदि आश्रव-द्वार रुक गए हों, उसे 'सुसंवृत' कहा जाता है।

पंचहिं संवरेहिं—संवर के पांच प्रकार ये हैं—

(१) प्राणातिपात-विरति।

(२) मृषावाद-विरति।

(३) अदत्तादान-विरति।

(४) मैथुन-विरति।

(५) परिग्रह-विरति।

वोसट्ठकाओ—जिसने विविध या विशिष्ट प्रकार से काया का उत्सर्ग किया हो, उसे 'व्युत्सृष्ट-काय' कहा जाता है।

सुइचत्तदेहो—जो गृहीत व्रतों में दोष न लगाए—अकलुषित व्रत हो, उसे 'शुचि' कहा जाता है।

जिसने देह के प्रतिकर्म (संवारने) का त्याग किया हो, उसे त्यक्त किया हो, उसे 'त्यक्त-देह' कहा जाता है।

विशेष जानकारी के लिए देखें—दसवेआलियं १०।१३ का टिप्पण।

४६. महायज्ञ (महाजयं)

चूर्णि और वृत्ति में 'महाजय' का अर्थ महान् जय मिलता है। किन्तु 'जण्णसेट्ठं'—यह विशेषण-पद है। इसलिए 'महाजय' का संस्कृत रूप 'महायज' होना चाहिए। यज्ञों में महायज्ञ ही श्रेष्ठ माना जाता है। 'यकार' को 'जकार' और 'जकार' का लोप तथा उसे यकारादेश करने पर 'महायज' रूप बन जाता है।

४७. घी डालने की करछियां (सुया)

इसका संस्कृत रूप है 'स्रुव' और अर्थ है—यज्ञ में आहुति देते समय अग्‍नि में घी आदि डालने का पात्र-विशेष।

'स्रुव' खदिर (कत्थे) की लकड़ी से बनाई जाती थी। इसके दो प्रकार होते थे—

१. अधरा स्रुव—इसको उपभृत् कहा जाता था। यह शत्रुपक्षीय और नीचे रखा जाता था।

२. उत्तरा स्रुव—इसे जुहू कहा जाता था। यह यजमानपक्षीय और उपभृत् से ऊपर रखा जाता था।

विशेष विवरण के लिए देखें—अभिधान चिन्तामणि कोश ३।४९२ का विमर्श।

४८. शांतितीर्थ (संतितित्थे)

चूर्णिकार और बृहद्वृत्तिकार ने 'संति' का अर्थ—शांति या 'सन्ति' (अस् धातु का बहुवचन) किया है। इसका अर्थ शांति मानने पर 'तीर्थ' में एक वचन है। 'सन्ति' को क्रिया मानने पर उसमें बहुवचन है। बृहद्वृत्ति के अनुसार तीर्थ का अर्थ 'पुण्यक्षेत्र' या 'संसार समुद्र को तैरने का उपायभूत घाट' है। चूर्णि के अनुसार तीर्थ के दो भेद हैं—द्रव्यतीर्थ और भावतीर्थ। प्रभास आदि द्रव्यतीर्थ कहलाते हैं और ब्रह्मचर्य भावतीर्थ या शांतितीर्थ कहलाते हैं।

अगले श्‍लोक (४६) में सूत्रकार ने स्वयं ब्रह्मचर्य को शांतितीर्थ माना है। शान्त्याचार्य ने इस प्रसंग में इसका अर्थ इस प्रकार किया है—मतु प्रत्यय का लोप तथा ब्रह्मचर्य और ब्रह्मचारी का अभेद मान लेने पर यह होता है कि ब्रह्मचारी तीर्थ है। इस अर्थ में 'बंभे' में वचन-व्यत्यय मानना होगा।

४९. आत्मा का प्रसन्न लेश्या वाला (अत्तपसन्नलेसे)

चूर्णि में पीत आदि लेश्याओं को प्रसन्न माना है। लेश्या दो प्रकार की होती है—शरीरलेश्या (आभामंडल) और आत्मलेश्या (भावधारा)। 'अत्तपसन्नलेसे'—इस पद के द्वारा आत्मलेश्या का ग्रहण किया गया है। शरीर की लेश्याएं अशुद्ध होने पर भी आत्मा की लेश्याएं शुद्ध हो सकती हैं। शरीर की लेश्याएं शुद्ध होने पर आत्मा की लेश्या शुद्ध और अशुद्ध—दोनों प्रकार की हो सकती है।

'अत्त' शब्द पांच अर्थों में प्रयुक्त होता है—आत्मा, इष्ट, कान्त, प्रिय और मनोज्ञ। चूर्णि में 'अत्त' का मुख्य अर्थ आत्मा और वैकल्पिक अर्थ इष्ट किया है। पीत आदि लेश्याएं इष्ट होती हैं, वे शुद्ध लेश्याएं हैं। अशुद्ध लेश्याएं (कृष्ण आदि) इष्ट नहीं होती।

वृत्तिकार ने 'पसन्न' का अर्थ—विशुद्ध और 'अत्त' का अर्थ आत्मा किया है। उन्होंने 'अत्त' का संस्कृत रूप 'आप्त' मानकर उसके दो अर्थ और किए हैं—हितकर और प्राप्त।

'अत्तपसन्नलेसे' के संस्कृत रूप 'आत्मप्रसन्नलेश्य:' या 'आप्तप्रसन्नलेश्य:' होता है। लेश्या प्रसन्न (धर्म) और अप्रसन्न (अधर्म)—दो प्रकार की होती है। आत्मा की प्रसन्न—सर्वथा अकलुषित लेश्या जहां होती है, उसे प्रसन्न लेश्या कहा गया है। आप्त-पुरुष के द्वारा प्रसन्न लेश्या का निरूपण हो अथवा जहां प्रसन्न लेश्या प्राप्त हो, उस धर्म या शांतितीर्थ को 'आप्तप्रसन्नलेश्य' कहा गया है।

५०. कर्म-रज (दोसं)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ पाप और वृत्तिकार ने 'कर्म' किया है। कर्म विशुद्ध आत्मा को भी दूषित कर देता है, इसलिए वह दोष है।

५१. (श्‍लोक ४६)

महात्मा बुद्ध ने भी जलस्‍नान को धार्मिक महत्त्व नहीं दिया। उन्होंने भी धार्मिक महत्त्व आत्मशुद्धि को ही दिया है।

इस विषय पर मज्झिमनिकाय का निम्‍नोक्त प्रसंग सुन्दर प्रकाश डालता है।—

उस समय सुन्दरिक भारद्वाज ब्राह्मण भगवान् के अविदूर में बैठा था। तब सुन्दरिक भारद्वाज ब्राह्मण ने भगवान् से यह कहा—

क्या आप गौतम स्‍नान के लिए बाहुका नदी चलेंगे?

ब्राह्मण! बाहुका नदी से क्या (लेना) है? बाहुका नदी क्या करेगी?

हे गौतम! बाहुका नदी लोकमान्य (लोक-सम्मत) है, बाहुका नदी बहुत जनों द्वारा पवित्र (पुण्य) मानी जाती है। बहुत से लोग बाहुका नदी में (अपने) किए पापों को बहाते हैं।

तब भगवान् ने सुन्दरिक भारद्वाज ब्राह्मण को गाथाओं में कहा—

बाहुका, अविकक्क, गया और सुन्दरिका में।

सरस्वती और प्रयाग तथा बाहुमती नदी में।

काले कर्मों वाला मूढ़ चाहे नित्य नहाए, (किन्तु) शुद्ध नहीं होगा।

क्या करेगी सुन्दरिका, क्या प्रयाग और क्या बाहुलिका नदी?

(वह) पापकर्मी (कृत किल्बिष दुष्ट नर) को नहीं शुद्ध कर सकते।

शुद्ध (नर) के लिए सदा ही फल्गु है, शुद्ध के लिए सदा ही उपोसथ है।

शुद्ध और शुचिकर्मा के व्रत सदा ही पूरे होते रहते हैं।

ब्राह्मण! यहीं नहीं, सारे प्राणियों का क्षेम कर।

यदि तू झूठ नहीं बोलता, यदि प्राण नहीं मारता।

यदि बिना दिया नहीं लेता, (और) श्रद्धावान् मत्सर-रहित है।

(तो) गया जाकर क्या करेगा, क्षुद्र जलाशय (उपादान) भी तेरे लिए गया है।

५२. महास्‍नान है (महासिणाणं)

इसका शाब्दिक अर्थ है—महास्‍नान अर्थात् श्रेष्ठ स्‍नान। चूर्णिकार ने इसका लाक्षणिक अर्थ—समस्त कर्मों का क्षय किया है।

♦

तेरहवां अध्ययन : चित्र-सम्भूतीय

13

तेरहवां अध्ययन : चित्र-संभूतीय

आमुख

इस अध्ययन में चित्र और संभूत के पारस्परिक सम्बन्ध और विसम्बन्ध का निरूपण है, इसलिए इसका नाम 'चित्तसंभूइज्जं' 'चित्र-संभूतीय' है।

उस काल और उस समय साकेत नगर में चन्द्रावतंसक राजा का पुत्र मुनिचन्द्र राज्य करता था। राज्य का उपभोग करते-करते उसका मन काम-भोगों से विरक्त हो गया। उसने मुनि सागरचन्द के पास दीक्षा ग्रहण की। वह अपने गुरु के साथ-साथ देशान्तर जा रहा था। एक बार वह भिक्षा लेने गांव में गया, पर सार्थ से बिछुड़ गया और एक भयानक अटवी में जा पहुंचा। वह भूख और प्यास से व्याकुल हो रहा था। वहां चार ग्वाल-पुत्र गाएं चरा रहे थे। उन्होंने मुनि की अवस्था देखी। उनका मन करुणा से भर गया। उन्होंने मुनि की परिचर्या की। मुनि स्वस्थ हुए। चारों ग्वाल-बालकों को धर्म का उपदेश दिया। चारों बालक प्रतिबुद्ध हुए और मुनि के पास दीक्षित हो गए। वे सभी आनन्द से दीक्षा-पर्याय का पालन करने लगे। किन्तु उनमें से दो मुनियों के मन में मैले कपड़ों के विषय में जुगुप्सा रहने लगी। चारों मर कर देव-गति में गए। जुगुप्सा करने वाले दोनों देवलोक से च्युत हो दशपुर नगर में शांडिल्य ब्राह्मण की दासी यशोमती की कुक्षी से युगल रूप में जन्मे। वे युवा हुए। एक बार वे जंगल में अपने खेत की रक्षा के लिए गए। रात हो गई। वे एक वट वृक्ष के नीचे सो गए। अचानक ही वृक्ष की कोटर से एक सर्प निकला और एक को डस कर चला गया। दूसरा जागा। उसे यह बात मालूम हुई। तत्काल ही वह सर्प की खोज में निकला। वही सर्प उसे भी डस गया। दोनों मर कर कालिंजर पर्वत पर एक मृगी के उदर से युगल रूप में उत्पन्न हुए। एक बार दोनों आसपास चर रहे थे। एक व्याध ने एक ही बाण से दोनों को मार डाला। वहां से मर कर वे गंगा नदी के तीर पर एक राजहंसिनी के गर्भ में आए। युगल रूप में जन्मे। वे युवा बने। वे दोनों साथ-साथ घूम रहे थे। एक बार एक मछुए ने उन्हें पकड़ा और गर्दन मरोड़ कर मार डाला।

उस समय वाराणसी नगरी में चाण्डालों का एक अधिपति रहता था। उसका नाम था भूतदत्त। वह बहुत समृद्ध था। वे दोनों हंस मर कर उसके पुत्र हुए। उनका नाम चित्र और संभूत रखा गया। दोनों भाइयों में अपार स्‍नेह था।

उस समय वाराणसी नगरी में शङ्ख राजा राज्य करता था। नमुचि उसका मंत्री था। एक बार उसके किसी अपराध पर राजा क्रुद्ध हो गया और वध की आज्ञा दे दी। चाण्डाल भूतदत्त को यह कार्य सौंपा गया। उसने नमुचि को अपने घर में छिपा लिया और कहा—''मंत्रिन्! यदि आप मेरे तल-घर में रहकर मेरे दोनों पुत्रों को अध्यापन कराना स्वीकार करें तो मैं आपका वध नहीं करूंगा।'' जीवन की आशा में मंत्री ने बात मान ली। अब वह चाण्डाल के पुत्रों—चित्र और संभूत को पढ़ाने लगा। चाण्डालपत्‍नी नमुचि की परिचर्या करने लगी। कुछ काल बीता। नमुचि चाण्डाल-स्त्री में आसक्त हो गया। भूतदत्त ने यह बात जान ली। उसने नमुचि को मारने का विचार किया। चित्र और संभूत दोनों ने अपने पिता के विचार जान लिए। गुरु के प्रति कृतज्ञता से प्रेरित हो उन्होंने नमुचि को कहीं भाग जाने की सलाह दी। नमुचि वहां से भागा-भागा हस्तिनापुर में आया और चक्रवर्ती सनत्कुमार का मंत्री बन गया।

चित्र और संभूत बड़े हुए। उनका रूप और लावण्य आकर्षक था। नृत्य और संगीत में वे प्रवीण हुए। वाराणसी के लोग उनकी कलाओं पर मुग्ध थे।

एक बार मदन-महोत्सव आया। अनेक गायक-टोलियां मधुर राग में अलाप रही थीं और तरुण-तरुणियों के अनेक गण नृत्य कर रहे थे। उस समय चित्र-संभूत की नृत्य-मण्डली भी वहां आ गई। उनका गाना और नृत्य सबसे अधिक मनोरम था। उसे सुन और देख कर सारे लोग उनकी मण्डली की ओर चले आए। युवतियां मंत्र-मुग्ध सी हो गयीं। सभी तन्मय थे। ब्राह्मणों ने यह देखा। मन में ईर्ष्या उभर आई। जातिवाद की आड़ ले वे राजा के पास गए और सारा वृत्तान्त कह सुनाया। राजा ने दोनों मातंग-पुत्रों को नगर से निकाल दिया। वे अन्यत्र चले गए।

कुछ समय बीता। एक बार कौमुदी-महोत्सव के अवसर पर वे दोनों मातंग-पुत्र पुन: नगर में आए। वे मुंह पर कपड़ा डाले महोत्सव का आनन्द ले रहे थे। चलते-चलते उनके मुंह से संगीत के स्वर निकल पड़े। लोग अवाक् रह गए। वे उन दोनों के पास आए। आवरण हटाते ही उन्हें पहचान गए। उनका रक्त ईर्ष्या से उबल गया। ''ये चाण्डाल-पुत्र हैं''—ऐसा कहकर उन्हें लातों और चाटों से मारा और नगर से बाहर निकाल दिया। वे बाहर एक उद्यान में ठहरे। उन्होंने सोचा—''धिक्कार है हमारे रूप, यौवन, सौभाग्य और कला-कौशल को! आज हम चाण्डाल होने के कारण प्रत्येक वर्ग से तिरस्कृत हो रहे हैं। हमारा सारा गुण-समूह दूषित हो रहा है। ऐसा जीवन जीने से लाभ ही क्या?'' उनका मन जीने से ऊब गया। वे आत्म-हत्या का दृढ़ संकल्प ले वहां से चले। एक पहाड़ पर इसी विचार से चढ़े। ऊपर चढ़कर उन्होंने देखा कि एक श्रमण ध्यान-लीन हैं। वे साधु के पास आए और बैठ गए। ध्यान पूर्ण होने पर साधु ने उनका नाम-धाम पूछा। दोनों ने अपना पूर्व वृत्तान्त कह सुनाया। मुनि ने कहा—''तुम अनेक कला-शास्त्रों के पारगामी हो। आत्म-हत्या करना नीच व्यक्तियों का काम है। तुम्हारे जैसे विमल-बुद्धि वाले व्यक्तियों के लिए यह उचित नहीं। तुम इस विचार को छोड़ो और जिन-धर्म की शरण में आओ। इससे तुम्हारे शारीरिक और मानसिक-सभी दु:ख उच्छिन्न हो जायेंगे।'' उन्होंने मुनि के वचन को शिरोधार्य किया और हाथ जोड़कर कहा—''भगवन्! आप हमें दीक्षित करें।'' मुनि ने उन्हें योग्य समझ दीक्षा दी। गुरु-चरणों की उपासना करते हुए वे अध्ययन करने लगे। कुछ समय बाद वे गीतार्थ हुए। विचित्र तपस्याओं से आत्मा को भावित करते हुए वे ग्रामानुग्राम विहार करने लगे। एक बार वे हस्तिनापुर आए। नगर के बाहर एक उद्यान में ठहरे। एक दिन मास-क्षमण का पारणा करने के लिए मुनि संभूत नगर में गए। भिक्षा के लिए वे घर-घर घूम रहे थे। मंत्री नमुचि ने उन्हें देख कर पहचान लिया। उसकी सारी स्मृतियां सद्यस्क हो गईं। उसने सोचा—यह मुनि मेरा सारा वृत्तान्त जानता है। वहां के लोगों के समक्ष यदि इसने कुछ कह डाला तो मेरी महत्ता नष्ट हो जाएगी। ऐसा विचार कर उसने लाठी और मुक्कों से मार कर मुनि को नगर से बाहर निकालना चाहा। कई लोग मुनि को पीटने लगे। मुनि शांत रहे। परन्तु लोग जब अत्यन्त उग्र हो गए, तब मुनि का चित्त अशांत हो गया। उनके मुंह से धुंआ निकला और सारा नगर अंधकारमय हो गया। लोग घबड़ाए। अब वे मुनि को शांत करने लगे। चक्रवर्ती सनत्कुमार भी वहां आ पहुंचा। उसने मुनि से प्रार्थना की—''भंते! यदि हम से कोई त्रुटि हुई हो तो आप क्षमा करें। आगे हम ऐसा अपराध नहीं करेंगे। आप महान् हैं। नगर-निवासियों को जीवन-दान दें।'' इतने से मुनि का क्रोध शांत नहीं हुआ। उद्यान में बैठे मुनि चित्र ने यह संवाद सुना और आकाश को धूम्र से आच्छादित देखा। वे तत्काल वहां आए और उन्होंने मुनि सम्भूत से कहा—''मुने! क्रोधानल को उपशांत करो, उपशांत करो! महर्षि उपशम-प्रधान होते हैं। वे अपराधी पर भी क्रोध नहीं करते। तुम अपनी शक्ति का संवरण करो!'' मुनि संभूत का मन शान्त हुआ। उन्होंने तेजोलेश्या का संवरण किया। अन्धकार मिट गया। लोग प्रसन्न हुए। दोनों मुनि उद्यान में लौट गए। उन्होंने सोचा—''हम काय-संलेखना कर चुके हैं, इसलिए अब हमें अनशन करना चाहिए।'' दोनों ने बड़े धैर्य के साथ अनशन ग्रहण किया।

चक्रवर्ती सनत्कुमार ने जब यह जाना कि मन्त्री नमुचि के कारण ही सभी लोगों को संत्रास सहना पड़ा है तो उसने मन्त्री को बांधने का आदेश दिया। मन्त्री को रस्सों से बांध कर मुनियों के पास लाए। मुनियों ने राजा को समझाया और उसने मन्त्री को मुक्त कर दिया। चक्रवर्ती दोनों मुनियों के पैरों पर गिर पड़ा। रानी सुनन्दा भी साथ थी। उसने भी वन्दना की। अकस्मात् ही उसके केश मुनि सम्भूत के पैरों को छू गए। मुनि सम्भूत को अपूर्व आनन्द का अनुभव हुआ। उसने निदान करने का विचार किया। मुनि चित्र ने ज्ञान-शक्ति से यह जान लिया और निदान न करने की शिक्षा दी, पर सब व्यर्थ। मुनि सम्भूत ने निदान किया—''यदि मेरी तपस्या का फल है तो मैं चक्रवर्ती बनूं।''

दोनों मुनियों का अनशन चालू था। वे मर कर सौधर्म देवलोक में देव बने। वहां का आयुष्य पूरा कर चित्र का जीव पुरिमताल नगर में एक इभ्य सेठ का पुत्र बना और सम्भूत का जीव कांपिल्यपुर के ब्रह्म राजा की रानी चुलनी के गर्भ में आया। रानी ने चौदह महास्वप्‍न देखे। बालक का जन्म हुआ। उनका नाम ब्रह्मदत्त रखा गया।

राजा ब्रह्म के चार मित्र थे—(१) काशी का अधिपति कटक (२) गजपुर का राजा कणेरदत्त (३) कौशल देश का राजा दीर्घ और (४) चम्पा का अधिपति पुष्पचूल। राजा ब्रह्म का इनके साथ अगाध प्रेम था। वे सभी एक-एक वर्ष एक-दूसरे के राज्य में रहते थे। एक बार वे सब राजा ब्रह्म के राज्य में समुदित हो रहे थे। उन्हीं दिनों की बात है, एक दिन राजा ब्रह्म को असह्य मस्तक-वेदना उत्पन्न हुई। स्थिति चिन्ताजनक बन गई। राजा ब्रह्म ने अपने पुत्र ब्रह्मदत्त को चारों मित्रों को सौंपते हुए कहा—''इसका राज्य तुम्हें चलाना है।'' मित्रों ने स्वीकार किया।

कुछ काल बाद राजा ब्रह्म की मृत्यु हो गई। मित्रों ने उसका अन्त्येष्टि-कर्म किया। उस समय कुमार ब्रह्मदत्त छोटी अवस्था में था। चारों मित्रों ने विचार-विमर्श कर कौशल देश के राजा दीर्घ को राज्य का सारा भार सौंपा और बाद में सब अपने-अपने राज्य की ओर चले गये। राजा दीर्घ राज्य की व्यवस्था देखने लगा। सर्वत्र उसका प्रवेश होने लगा। रानी चुलनी के साथ उसका प्रेम-बन्धन गाढ़ होता गया। दोनों नि:संकोच विषय-वासना का सेवन करने लगे।

रानी के इस दुश्‍चरण को जानकर राजा ब्रह्म का विश्‍वस्त मन्त्री धनु चिन्ताग्रस्त हो गया। उसने सोचा—''जो व्यक्ति अधम आचरण में फंसा हुआ है, वह भला कुमार ब्रह्मदत्त का क्या हित साध सकेगा?''

उसने रानी चुलनी और राजा दीर्घ के अवैध-सम्बन्ध की बात अपने पुत्र वरधनु के माध्यम से कुमार तक पहुंचाई। कुमार को यह बात बहुत बुरी लगी। उसने एक उपाय ढूंढा। एक कौवे और एक कोकिल को पिंजरे में बन्द कर अन्त:पुर में ले गया और रानी चुलनी को सुनाते हुए कहा—''जो कोई भी अनुचित सम्बन्ध जोड़ेगा, उसे मैं इसी प्रकार पिंजरे में डाल दूंगा।'' राजा दीर्घ ने यह बात सुनी। उसने चुलनी से कहा-''कुमार ने हमारा सम्बन्ध जान लिया है। मुझे कौवा और तुम्हें कोयल मान संकेत दिया है। अब हमें सावधान हो जाना चाहिए।'' चुलनी ने कहा—''वह अभी बच्चा है। जो कुछ मन में आता है कह देता है।'' राजा दीर्घ ने कहा—''नहीं, ऐसा नहीं है। वह हमारे प्रेम में बाधा डालने वाला है। उसको मारे बिना अपना सम्बन्ध नहीं निभ सकता।'' चुलनी ने कहा—''जो आप कहते हैं, वह सही है किन्तु उसे कैसे मारा जाये? लोकापवाद से भी तो हमें डरना चाहिए।'' राजा दीर्घ ने कहा—''जनापवाद से बचने के लिए पहले हम इसका विवाह कर दें, फिर ज्यों-त्यों इसे मार देंगे।'' रानी ने बात मान ली।

एक शुभ वेला में कुमार का विवाह सम्पन्न हुआ। उसके शयन के लिए राजा दीर्घ ने हजार स्तम्भ वाला एक लाक्षा-गृह बनवाया।

इधर मन्त्री धनु ने राजा दीर्घ से प्रार्थना की—''स्वामिन्! मेरा पुत्र वरधनु मन्त्री-पद का कार्यभार संभालने के योग्य हो गया है। मैं अब कार्य से निवृत्त होना चाहता हूं।'' राजा ने उसकी प्रार्थना स्वीकार कर ली और छलपूर्वक कहा—''तुम और कहीं जाकर क्या करोगे? यहीं रहो और दान आदि धर्मों का पालन करो।'' मन्त्री ने राजा की बात मान ली। उसने नगर के बाहर गङ्गा नदी के तट पर एक विशाल प्याऊ बनाई। वहां वह पथिकों और परिव्राजकों को प्रचुर अन्न-पान देने लगा। दान और सम्मान से वशीभूत हुए पथिकों और परिव्राजकों द्वारा उसने लाक्षा-गृह से प्याऊ तक एक सुरंग खुदवाई। राजा-रानी को बात ज्ञात नहीं हुई।

रानी चुलनी ने कुमार ब्रह्मदत्त को अपनी नववधू के साथ उस लाक्षा-गृह में भेजा। दोनों वहां गए। रानी ने शेष सभी ज्ञाति-जनों को अपने-अपने घर भेज दिया। मन्त्री का पुत्र वरधनु वहीं रहा। रात्रि के दो पहर बीते। कुमार ब्रह्मदत्त गाढ़ निद्रा में लीन था। वरधनु जाग रहा था। अचानक लाक्षा-गृह एक ही क्षण में प्रदीप्त हो उठा। हाहाकार मचा। कुमार जागा और दिड़्मूढ़ बना हुआ वरधनु के पास आ बोला—''यह क्या हुआ? अब क्या करें?'' वरधनु ने कहा—''यह राज-कन्या नहीं है, जिसके साथ आपका पाणि-ग्रहण हुआ है। इसमें प्रतिबन्ध करना उचित नहीं है। चलो हम चलें।'' उसने कुमार ब्रह्मदत्त को एक सांकेतिक स्थान पर लात मारने को कहा। कुमार ने लात मारी। सुरंग का द्वार खुल गया। वे उसमें घुसे। मन्त्री ने पहले ही अपने दो विश्‍वासी पुरुष सुरंग के द्वार पर नियुक्त कर रखे थे। वे घोड़ों पर चढ़े हुए थे। ज्यों ही कुमार ब्रह्मदत्त और वरधनु सुरंग से बाहर निकले त्यों ही उन्हें घोड़ों पर चढ़ा दिया। वे दोनों वहां से चले। पचास योजन दूर जा कर ठहरे। लम्बी यात्रा के कारण घोड़े खिन्न हो कर गिर पड़े। अब वे दोनों वहां से पैदल चले। वे चलते-चलते वाराणसी पहुंचे। राजा कटक ने जब यह संवाद सुना, तब वह बहुत ही प्रसन्न हुआ और उसने पूर्ण सम्मान से कुमार ब्रह्मदत्त का नगर में प्रवेश करवाया। अपनी पुत्री कटकावती से उसका विवाह किया। राजा कटक ने दूत भेजकर सेना सहित पुष्पचूल को बुला लिया। मन्त्री धनु और राजा कणेरदत्त भी वहां आ पहुंचे। और भी अनेक राजा मिल गए। उन सबने वरधनु को सेनापति के पद पर नियुक्त कर कांपिल्यपुर पर चढ़ाई कर दी। घमासान युद्ध हुआ। राजा दीर्घ मारा गया। ''चक्रवर्ती की विजय हुई''—यह घोष चारों और फैल गया। देवों ने आकाश से फूल बरसाए। ''बारहवां चक्रवर्ती उत्पन्न हुआ है''—यह नाद हुआ। सामन्तों ने कुमार ब्रह्मदत्त का चक्रवर्ती के रूप में अभिषेक किया।

राज्य का परिपालन करता हुआ ब्रह्मदत्त सुखपूर्वक रहने लगा। एक बार एक नट आया। उसने राजा से प्रार्थना की—''मैं आज मधुकरी गीत नामक नाट्य-विधि का प्रदर्शन करना चाहता हूं।'' चक्रवर्ती ने स्वीकृति दे दी। अपरान्ह में नाटक होने लगा। उस समय एक कर्मकरी ने फूल-मालाएं लाकर राजा के सामने रखीं। राजा ने उन्हें देखा और मधुकरी गीत सुना। तब चक्रवर्ती के मन में एक विकल्प उत्पन्न हुआ—''ऐसा नाटक उसके पहले भी इसने कहीं देखा है।'' वह इस चिन्तन में लीन हुआ और उसे पूर्व-जन्म की स्मृति हो आई। उसने जान लिया कि ऐसा नाटक मैंने सौधर्म देवलोक के पद्मगुल्म नामक विमान में देखा था।

इसकी स्मृति मात्र से वह मूर्च्छित होकर भूमि पर गिर पड़ा। पास में बैठे हुए सामन्त उठे, चन्दन का लेप किया। राजा की चेतना लौट आई। सम्राट् आश्‍वस्त हुआ। पूर्वजन्म के भाई की याद सताने लगी। उसकी खोज करने के लिए एक मार्ग ढूंढा। रहस्य को छिपाते हुए सम्राट् ने महामात्य वरधनु से कहा—''आस्व दासौ मृगौ हंसौ, मातंगावमरौ तथा''—इस श्‍लोकार्द्ध को सब जगह प्रचारित करो और यह घोषणा करो कि इस श्‍लोक की पूर्ति करने वाले को सम्राट् अपना आधा राज्य देगा। प्रतिदिन यह घोषणा होने लगी। यह अर्द्धश्‍लोक दूर-दूर तक प्रसारित हो गया और व्यक्ति-व्यक्ति को कण्ठस्थ हो गया।

इधर चित्र का जीव देवलोक से च्युत हो कर पुरिमताल नगर में एक इभ्य सेठ के घर जन्मा। युवा हुआ। एक दिन पूर्वजन्म की स्मृति हुई और वह मुनि बन गया। एक बार ग्रामानुग्राम विहार करते-करते वह भी कांपिल्यपुर में आया और मनोरम नाम के कानन में ठहरा। एक दिन वह कायोत्सर्ग कर रहा था। उसी समय रहंट को चलाने वाला एक व्यक्ति वहां बोल उठा—

''आस्व दासौ मृगौ हंसौ, मातंगावमरौ तथा।''

मुनि ने यह सुना और उसके आगे के दो चरण पूरा करते हुए कहा—

''एषा नौ षप्ठिका जाति:, अन्योन्याभ्यां वियुक्तयो:।।''

रहंट चलाने वाले उस व्यक्ति ने उन दोनों चरणों को एक पत्र में लिखा और आधा राज्य पाने की खुशी में वह दौड़ा-दौड़ा राज-दरबार में पहुंचा। सम्राट् की अनुमति प्राप्त कर वह राज्यसभा में गया और एक ही सांस में पूरा श्‍लोक सम्राट् को सुना डाला। उसे सुनते ही सम्राट् स्‍नेहवश मूर्च्छित हो गया। सारी सभा क्षुब्ध हो गई। सभासद् क्रुद्ध हुए और उसे पीटने लगे। उन्होंने कहा—''तूने सम्राट् को मूर्च्छित कर दिया। यह कैसी तेरी श्‍लोक-पूर्ति?'' मार पड़ी तब वह बोला—''मुझे मत मारो। श्‍लोक की पूर्ति मैंने नहीं की है।'' ''तो किसने की है?''—सभासदों ने पूछा। वह बोला—''मेरे रहंट के पास खड़े एक मुनि ने की है।'' अनुकूल उपचार पाकर सम्राट् सचेतन हुआ। सारी बात की जानकारी प्राप्त कर वह मुनि के दर्शन के लिए सपरिवार चल पड़ा। कानन में पहुंचा। मुनि को देखा। वन्दना कर विनयपूर्वक उनके पास बैठ गया। बिछुड़ा हुआ योग पुन: मिल गया। अब वे दोनों भाई सुख-दु:ख के फल-विपाक की चर्चा करने लगे। यही चर्चा इस अध्ययन में प्रतिपादित है। बौद्ध ग्रंथों में भी इस कथा का प्रकारांतर से उल्लेख मिलता है।

तेरसमं अज्झयणं : चित्तसंभूइज्जं

तेरहवां अध्ययन : चित्र-संभूतीय

मूल

१. जाईपराजिओ खलु, कासि नियाणं तु हत्थिणपुरम्मि।

चुलणीए बंभदत्तो, उववन्नो पउमगुम्माओ।।

हिन्‍दी अनुवाद

जाति से पराजित हुए संभूत ने हस्तिनापुर में१ निदान२ (चक्रवर्ती होऊं—ऐसा संकल्प) किया। वह सौधर्म देवलोक के पद्मगुल्म नामक विमान में देव बना। वहां से च्युत होकर चुलनी की कोख में ब्रह्मदत्त चक्रवर्ती के रूप में उत्पन्न हुआ।

२. कंपिल्ले संभूओ, चित्तो पुण जाओ पुरिमतालम्मि।

सेट्ठिकुलम्मि विसाले, धम्मं सोऊण पव्वइओ।।

संभूत काम्पिल्य नगर में३ उत्पन्न हुआ। चित्र पुरिमताल में४ एक विशाल श्रेष्ठिकुल में उत्पन्न हुआ। वह धर्म सुन प्रव्रजित हो गया।

३. कंपिल्लम्मि य नयरे, समागया दो वि चित्त-संभूया।

सुहदुक्खफलविवागं, कहेंति ते एक्कमेक्कस्स।।

काम्पिल्य नगर में चित्र और संभूत दोनों मिले। दोनों ने परस्पर एक-दूसरे के सुख-दु:ख के विपाक की बात की।

४. चक्कवट्टी महिड्ढीओ, बंभदत्तो महायसो।

भायरं बहुमाणेणं, इमं वयणमब्बवी।।

महान् ऋद्धि-सम्पन्न और महान् यशस्वी चक्रवर्ती ब्रह्मदत्त ने बहुमानपूर्वक अपने भाई से इस प्रकार कहा—

५. आसिमो भायरा दो वि, अन्नमन्नवसाणुगा।

अन्नमन्नमणूरत्ता, अन्नमन्नहिएसिणो।।

''हम दोनों भाई थे—एक दूसरे के वशवर्ती, परस्पर अनुरक्त और परस्पर हितैषी।''

६. दासा दसण्णे आसी, मिया कालिंजरे नगे।

हंसा मयंगतीरे, सोवागा कासिभूमिए।।

''हम दोनों दशार्ण देश में दास, कालिंजर पर्वत पर हरिण, मृतगङ्गा के किनारे हंस और काशी देश में चांडाल थे।''५

७. देवा य देवलोगम्मि, आसि अम्हे महिड्ढिया।

इमा नो छट्ठिया जाई, अन्नमन्नेण जा विणा।।

''हम दोनों सौधर्म देवलोक में महान् ऋद्धि वाले देव थे। यह हमारा छठा जन्म है, जिसमें हम एक-दूसरे से बिछुड़ गये।''

८. कम्मा नियाणप्पगडा, तुमे राय! विचिंतिया।

तेसिं फलविवागेण, विप्पओगमुवागया।।

(मुनि—) ''राजन्! तू ने निदानकृत कर्मों का चिन्तन किया। उनके फल-विपाक से हम बिछुड़ गये।''

९. सच्चसोयप्पगडा, कम्मा मए पुरा कडा।

ते अज्ज परिभुंजामो, किं नु चित्ते वि से तहा?।।

(चक्री—) ''चित्र! मैंने पूर्वजन्म में सत्य और शौचमय६ शुभ अनुष्ठान किये थे। आज मैं उनका फल भोग रहा हूं। क्या तू भी वैसा ही भोग रहा है?''

१०. सव्वं सुचिण्णं सफलं नराणं, कडाण कम्माण न मोक्ख अत्थि।

अत्थेहि कामेहि य उत्तमेहिं, आया ममं पुण्णफलोववेए।।

(मुनि—) ''मुनष्यों का सब सुचीर्ण सफल होता है। किए हुए कर्मों का फल भोगे बिना मोक्ष (उससे छुटकारा) नहीं होता। मेरी आत्मा उत्तम अर्थ और कामों के द्वारा पुण्य-फल से युक्त है।''७

११. जाणासि संभूय! महाणुभागं, महिड्ढियं पुण्णफलोववेयं।

चित्तं पि जाणाहि तहेव रायं!, इड्ढी जुई तस्स वि य प्पभूया।।

''संभूत! जिस प्रकार तू अपने को महानुभाग (अचिंत्य-शक्ति) सम्पन्न, महान् ऋद्धिमान् और पुण्य-फल से युक्त मानता है, उसी प्रकार चित्र को भी जान। राजन्! उसके भी प्रचुर ऋद्धि और द्युति थी।''

१२. महत्थरूवा वयणऽप्पभूया, गाहाऽणुगीया नरसंघमज्झे।

जं भिक्खुणो सीलगुणोववेया, इहज्जयंते समणो म्हि जाओ।।

''स्थविरों ने जन समुदाय के बीच अल्पाक्षर और महान् अर्थ वाली जो गाथा गाई, जिसे शील और श्रुत से सम्पन्न भिक्षु बड़े यत्‍न से अर्जित करते हैं, उसे सुनकर मैं श्रमण हो गया।''८

१३. उच्चोयए महु कक्के य बंभे, पवेइया आवसहा य रम्मा।

इमं गिहं चित्त! धणप्पभूयं, पसाहि पंचालगुणोववेयं।।

(चक्री—) ''उच्चोदय, मधु, कर्क, मध्य और ब्रह्मा—ये प्रधान प्रासाद९ तथा दूसरे अनेक रम्य प्रासाद हैं। चित्र! पंचाल देश की विशिष्ट वस्तुओं से युक्त और प्रचुर धन से पूर्ण१० यह घर है—इसका तू उपभोग कर।''

१४. नट्टेहि गीएहि य वाइएहिं, नारीजणाइं परिवारयंतो।

भुंजाहि भोगाइ इमाइ भिक्खू!, मम रोयई पव्वज्जा हु दुक्खं।।

''हे भिक्षु! तू नाट्य११, गीत और वाद्यों के साथ नारी-जनों को परिवृत करता हुआ इन भोगों को भोग। यह मुझे रुचता है। प्रव्रज्या वास्तव में ही कष्टकर है।''

१५. तं पुव्वनेहेण कयाणुरागं, नराहिवं कामगुणेसु गिद्धं।

धम्मस्सिओ तस्स हियाणुपेही, चित्तो इमं वयणमुदाहरित्था।।

धर्म में स्थित और उस (राजा) का हित चाहने वाले चित्र मुनि ने पूर्वभव के स्‍नेह-वश अपने प्रति अनुराग रखने वाले कामगुणों में आसक्त राजा से यह वचन कहा—

१६. सव्वं विलवियं गीयं, सव्वं नट्टं विडंबियं।

सव्वे आभरणा भारा, सव्वे कामा दुहावहा।।

सब गीत विलाप हैं, सब नाट्य विडम्बना हैं, सब आभरण भार हैं और सब काम-भोग दु:खकर हैं।१२

१७. बालाभिरामेसु दुहावहेसु, न तं सुहं कामगुणेसु रायं!

विरत्तकामाण तवोधणाणं, जं भिक्खुणं सीलगुणे रयाणं।।

''राजन्! अज्ञानियों के लिए रमणीय और दु:खकर काम-गुणों में वह सुख नहीं है, जो सुख कामों से विरक्त, शील और गुणों में रत तपोधन भिक्षु को प्राप्त होता है।''

१८. नरिंद! जाई अहमा नराणं, सोवागजाई दुहओ गयाणं।

जहिं वयं सव्वजणस्स वेस्सा, वसीय सोवागनिवेसणेसु।।

''नरेन्द्र! मनुष्यों में चांडाल-जाति अधम है। उसमें हम दोनों उत्पन्न हो चुके हैं। वहां हम चाण्डालों की बस्ती में रहते थे और सब लोग हमसे द्वेष करते थे।''

१९. तीसे य जाईइ उ पावियाए, वुच्छामु सोवागनिवेसणेसु।

सव्वस्स लोगस्स दुगंछणिज्जा, इहं तु कम्माइं पुरेकडाइं।।

''दोनों ने कुत्सित चाण्डाल जाति में जन्म लिया और चांडालों की बस्ती में निवास किया।१३ सब लोग हमसे घृणा करते थे। इस जन्म में जो उच्चता प्राप्त हुई है, वह पूर्वकृत शुभ कर्मों का फल है।''

२०. सो दाणिसिं राय! महाणुभागो, महिड्ढिओ पुण्णफलोववेओ।

चइत्तु भोगाइं असासयाइं, आयाणहेउं अभिणिक्खमाहि।।

हे राजन्! वर्तमान में१४ ''उसी के कारण वह तू महान् अनुभाग (अचिन्त्य-शक्ति) सम्पन्न, ऋद्धिमान् और पुण्य-फल युक्त राजा बना है। इसलिए तू अशाश्‍वत भोगों को छोड़कर आदान—चारित्र धर्म की१५ आराधना के लिए अभिनिष्क्रमण कर।''

२१. इह जीविए राय! असासयम्मि, धणियं तु पुण्णाइं अकुव्वमाणो।

से सोयई मच्चुमुहोवणीए, धम्मं अकाऊण परंसि लोए।।

''राजन्! जो इस अशाश्‍वत जीवन में प्रचुर१६ शुभ अनुष्ठान१७ नहीं करता, वह मृत्यु के मुंह में जाने पर पश्‍चात्ताप करता है और धर्म की आराधना नहीं होने के कारण परलोक में भी पश्‍चात्ताप करता है।''

२२. जहेह सीहो व मियं गहाय, मच्चू नरं नेइ हु अंतकाले।

न तस्स माया व पिया व भाया, कालम्मि तम्मिंसहरा भवंति।।

''जिस प्रकार सिंह हरिण को पकड़ कर ले जाता है, उसी प्रकार अन्तकाल में मृत्यु मनुष्य को ले जाती है। काल आने पर उसके माता-पिता या भाई अंशधर१८नहीं होते—अपने जीवन का भाग दे कर बचा नहीं पाते।''

२३. न तस्स दुक्खं विभयंति नाइओ, न मित्तवग्गा न सुया न बंधवा।

एक्को सयं पच्चणुहोइ दुक्खं, कत्तारमेवं अणुजाइ कम्मं।।

ज्ञाति, मित्र-वर्ग, पुत्र और बान्धव१९उसका दु:ख नहीं बंटा सकते। वह स्वयं अकेला दु:ख का अनुभव करता है। क्योंकि कर्म कर्त्ता का अनुगमन करता है।२०

२४. चेच्चा दुपयं च चउप्पयं च, खेत्तं गिहं धणधन्नं च सव्वं।

कम्मप्पबीओ अवसो पयाइ, परं भवं सुंदर पावगं वा।।

यह पराधीन आत्मा द्विपद, चतुष्पद, खेत, घर, धान्य, वस्त्र आदि सब कुछ छोड़ कर केवल अपने किये कर्मों को साथ लेकर सुखद या दु:खद पर-भव में जाता है।

२५. तं इक्कगं तुच्छसरीरगं से, चिईगयं डहिय उ पावगेणं।

भज्जा य पुत्ता वि य नायओ य, दायारमन्नं अणुसंकमंति।।

उस अकेले और असार शरीर को अग्‍नि से चिता में जलाकर स्त्री, पुत्र और ज्ञाति किसी दूसरे दाता (जीविका देने वाले) के पीछे चले जाते हैं।२१

२६. उवणिज्जई जीवियमप्पमायं, वण्णं जरा हरइ नरस्स रायं!।

पंचालराया! वयणं सुणाहि, मा कासि कम्माइं महालयाइं।।

''राजन्! कर्म बिना भूल किए (निरन्तर) जीवन को मृत्यु के समीप ले जा रहे हैं। बुढ़ापा मनुष्य के वर्ण (सुस्‍निग्ध कांति) का हरण कर रहा है। पंचालराज! मेरा वचन सुन। प्रचुर कर्म२२ मत कर।''

२७. अहं पि जाणामि जहेह साहू!, जं मे तुमं साहसि वक्कमेयं।

भोगा इमे संगकरा हवंति, जे दुज्जया अज्जो! अम्हारिसेहिं।।

(चक्री—) ''साधो! तू जो मुझे यह वचन जैसे कह रहा है, वैसे मैं भी जानता हूं कि ये भोग आसक्तिजनक होते हैं। किन्तु हे आर्य! हमारे जैसे व्यक्तियों के लिए ये दुर्जय हैं।''

२८. हत्थिणपुरम्मि चित्ता!, दट्ठूणं नरवइं महिड्ढियं।

कामभोगेसु गिद्धेणं, नियाणमसुहं कडं।।

''चित्र मुने! हस्तिनापुर में महान् ऋद्धि वाले चक्रवर्ती (सनत्कुमार) को देख भोगों में आसक्त होकर मैंने अशुभ निदान (भोग-संकल्प) कर डाला।''

२९. तस्स मे अपडिकंतस्स, इमं एयारिसं फलं।

जाणमाणो वि जं धम्मं, कामभोगेसु मुच्छिओ।।

''उसका मैने प्रतिक्रमण (प्रायश्‍चित्त) नहीं किया। उसी का यह ऐसा फल है कि मैं धर्म को जानता हुआ भी काम-भोगों में मूर्च्छित हो रहा हूं।''

३०. नागो जहा पंकजलावसन्नो, दट्ठुं थलं नाभिसमेइ तीरं।

एवं वयं कामगुणेसु गिद्धा, न भिक्खुणो मग्गमणुव्वयामो।।

''जैसे पंक-जल (दलदल) में फंसा हुआ हाथी स्थल को देखता हुआ भी किनारे पर नहीं पहुंच पाता, वैसे ही काम-गुणों में आसक्त बने हुए हम श्रमण-धर्म को जानते हुए भी उसका अनुसरण नहीं कर पाते।''

३१. अच्चेइ कालो तूरंति राइओ, न यावि भोगा पुरिसाण निच्चा।

उविच्च भोगा पुरिसं चयंति, दुमं जहा खीणफलं व23 पक्खी।।

(मुनि—) ''जीवन बीत रहा है। रात्रियां दौड़ी जा रही हैं। मनुष्यों के भोग भी नित्य नहीं हैं। वे मनुष्य को प्राप्त कर उसे छोड़ देते हैं, जैसे क्षीण फल वाले वृक्ष को पक्षी।''

३२. जइ ता सि भोगे चइउं असत्तो, अज्जाइं कम्माइं करेहि रायं!।

धम्मे ठिओ सव्वपयाणुकंपी, तो होहिसि देवो इओ विउव्वी।।

''राजन्! यदि तू भोगों का त्याग करने में असमर्थ है तो आर्य-कर्म कर। धर्म में स्थित होकर सब जीवों की अनुकम्पा करने वाला बन, जिससे तू जन्मान्तर में वैक्रिय शरीर वाला देव होगा।''

३३. न तुज्झ भोगे चइऊण बुद्धी, गिद्धो सि आरंभपरिग्गहेसु।

मोहं कओ एत्तिउ विप्पलावो, गच्छामि रायं! आमंतिओ सि।।

''तुझ में भोगों को त्यागने की बुद्धि नहीं है। तू आरम्भ और परिग्रह में२४ आसक्त है। मैंने व्यर्थ ही इतना प्रलाप किया। तुझे आमंत्रित (सम्बोधित) किया। राजन्! अब मैं जा रहा हूं।''

३४. पंचालराया वि य बंभदत्तो, साहुस्स तस्स वयणं अकाउं।

अणुत्तरे भुंजिय कामभोगे, अणुत्तरे सो नरए पविट्ठो।।

पंचाल जनपद के राजा ब्रह्मदत्त ने मुनि के वचन का पालन नहीं किया। वह अनुत्तर काम भोगों को भोग कर अनुत्तर (अप्रतिष्ठान) नरक में गया।

३५. चित्तो वि कामेहि विरत्तकामो, उदग्गचारित्ततवो महेसो।

अणुत्तरं संजम पालइत्ता, अणुत्तरं सिद्धिगइं गओ।।

कामना से विरक्त और उदात्त चारित्र-तप वाला महर्षि चित्र अनुत्तर संयम का पालन कर अनुत्तर सिद्धिगति को प्राप्त हुआ।२५

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १३ : चित्र-संभूतीय

१. हस्तिनापुर में (हत्थिणपुरम्मि)

वर्तमान में इसकी पहचान हस्तिनापुर गांव से की जाती है। यह मेरठ जिले के मवाना तहसील में मेरठ से बाईस मील उत्तर-पूर्व में स्थित है।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट।

२. निदान (नियाणं)

निदान का अर्थ है—पौद्गलिक पदार्थों की प्राप्ति के लिए किया जाने वाला संकल्प। यह आर्त्तध्यान के चार भेदों में से चौथा भेद है। दशाश्रुतस्कंध दशा १० में इसका विस्तृत वर्णन प्राप्त है।

प्रस्तुत प्रसंग में मुनि संभूत द्वारा किए गए निदान का उल्लेख है। नमुचि से पराजित होकर मुनि संभूत ने तेजोलेश्या का प्रयोग किया। सारा नगर अन्धकारमय हो गया। पौरजन भयभीत हो गए। चक्री सनत्कुमार और पौरजन मुनि के पास आए। अनुनय-विनय कर तेजोलेश्या के संहरण की प्रार्थना की। चक्रवर्ती की पत्‍नी सुनन्दा मुनि के चरणों में गिर पड़ी। उसके केशों के सुखद और कोमल स्पर्श से मुनि विचलित हो गए। उन्होंने निदान किया—यदि मेरी तपस्या का फल है तो मैं अगले जन्म में चक्रवर्ती बनूं।

पूरे कथानक के लिए देखें—आमुख।

३. कांपिल्य नगर में (कंपिल्ले)

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ से अठाइस मील उत्तर-पूर्व गंगा के समीप कांपिल गांव है। कांपिल्य की पहचान इसी गांव से की जाती है।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट ५।

४. पुरिमताल में ( पुरिमतालम्मि)

मानभूम के पास 'पुरुलिया' नाम का गांव है। यह अयोध्या का शाखा-नगर है। माना जाता है कि यही पुरिमताल है।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट ५।

५. (श्‍लोक ६)

दसण्णे—दशार्ण देश। बुंदेलखंड और केन नदी का प्रदेश दशार्ण माना जाता है। इस नाम के दो देश मिलते हैं—पूर्व दशार्ण और पश्‍चिम दशार्ण। पूर्व दशार्ण मध्यप्रदेश के छत्तीसगढ़ जिले में माना जाता है। पश्‍चिम दशार्ण में भोपाल राज्य और पूर्व मालव का समावेश होता है।

कालिंजरे नगे—कालिंजर पर्वत। यह बांदा के पूरब में स्थित एक पहाड़ है। यह तीर्थस्थान भी माना जाता है।

मयंगतीरे—मृतगंगा के किनारे। चूर्णि और सर्वाथसिद्धि के अनुसार गंगा प्रति वर्ष नए-नए मार्ग से समुद्र में जाती है। जो मार्ग चिर-त्यक्त हो—बहते-बहते गंगा ने जो मार्ग छोड़ दिया हो—उसे मृतगंगा कहा जाता है।

कासिभूमिए—काशी देश में। काशी जनपद पूर्व में मगध, पश्‍चिम में वत्स, उत्तर में कौशल और दक्षिण में 'सोन' नदी तक विस्तृत था। इसकी राजधानी थी वाराणसी। आज बनारस को ही काशी कहा जाता है।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट ५।

६. सत्य और शौचमय (सच्चसोय.....)

चूर्णिकार ने सत्य के दो अर्थ किए हैं—सबके लिए हितकर और संयम। शौच शब्द के तीन अर्थ प्राप्त हैं—विशुद्धि, मायारहित अनुष्ठान अर्थात् व्रतों का स्वीकरण और तप।

वृत्ति में सत्य का अर्थ है—मृषा भाषा का परिहार और शौच का अर्थ है—मायारहित अनुष्ठान।

७. (श्‍लोक १०)

प्रस्तुत श्‍लोक का वाक्य है—कडाण कम्माण न मोक्ख अत्थि—किए हुए कर्मों का फल भोगे बिना छुटकारा नहीं होता। प्रश्‍न होता है—क्या सभी कर्मों का फल भुगतना पड़ता है? चूर्णिकार का मत है कि जो कर्म निधत्ति और निकाचित रूप में बद्ध है, उन्हें भोगना ही पड़ता है। शेष कर्मों को बदला जा सकता है—उनके रस को मंद और स्थिति को कम किया जा सकता है।

किन्तु कर्म-सिद्धांत के अनुसार चूर्णि का यह मंतव्य विचारणीय है। निधत्ति में उद्वर्तना और अपवर्तना—दोनों होते हैं। निकाचित में कोई परिवर्तन नहीं होता।

८. (श्‍लोक १२)

वयणप्पभूया—इसके संस्कृत रूप 'वचनाऽप्रभूता' या 'वचनाल्पभूता'—दोनों हो सकते हैं। दोनों का अर्थ है—अल्पाक्षर वाली।

सीलगुणोववेया—इसका अर्थ है—शील और श्रुत से सम्पन्न। शील और गुण—इन दो शब्दों का अर्थ 'अपृथक्' और 'पृथक्'—दोनों रूप से किया जा सकता है। वृत्तिकार ने 'शील' का अर्थ चारित्र कर उसी को गुण माना है—चारित्र रूप गुण। विकल्प में उन्होंने गुण का अर्थ श्रुत किया है।

विशेषावश्यक भाष्य में 'चरणगुण' शब्द प्रयुक्त है। वृत्तिकार मलधारी हेमचन्द्र ने इन दोनों शब्दों की व्याख्या इस प्रकार की है—

चरण—महाव्रत, श्रमण-धर्म आदि मूलगुण अथवा सर्वचारित्र या देशचारित्र।

गुण—उत्तरगुण अथवा दर्शन और ज्ञान।

अज्जयंते—यह क्रियापद है। बृहद्वृत्तिकार ने 'अज्जयंते' (अर्जयन्ति) या 'जयंते' (यतन्ते)—इन दोनों की व्याख्या की है। 'अर्जयन्ति' अर्थात् पठन, श्रवण और अनुष्ठान द्वारा प्राप्त करते हैं 'यतन्ते' क्रिया मानने पर तीसरे चरण का अनुवाद होगा—जिसे सुनकर चारित्रगुणयुक्त भिक्षु जिन-प्रवचन में यत्‍न करते हैं।

९. प्रासाद (आवसहा)

प्रस्तुत श्‍लोक में मूलत: चार प्रकार के प्रासादों का उल्लेख है—उच्चोदय, मधु, कर्क और ब्रह्मा। श्‍लोक के प्रथम चरण में प्रयुक्त 'च' से 'मध्य' नामक प्रासाद का ग्रहण अभिप्रेत है। चूर्णि और वृत्ति में इन पांचों प्रासादों का नामोल्लेख है, पर इनका स्वरूप-विमर्श नहीं है। इन पांच भवनों के अतिरिक्त भवन चक्रवर्ती जहां चाहते हैं उसी स्थान में वर्धकिरत्‍न द्वारा तैयार हो जाते हैं।

हरमन जेकोबी ने 'उच्चोदए' शब्द को तोड़कर 'उच्च' और 'उदय'—नाम के प्रासाद मानकर पांच की संख्या पूरी की है। उन्होंने 'मध्य' नामक प्रासाद को नहीं माना है।

१०. चित्र!...प्रचुर धन से पूर्ण (चित्त! धणप्पभूयं)

वृत्तिकार ने 'चित्तधणप्पभूयं' ऐसा पद मानकर इसका संस्कृत रूप 'प्रभूतचित्रधनं' दिया है। उन्होंने 'चित्र' के दो अर्थ किए हैं—आश्‍चर्यकारी अथवा अनेक प्रकार का।

वास्तव में यहां 'चित्त' (सं० चित्र) शब्द संबोधन है और 'धणप्पभूयं' गृह का विशेषण है।

जेकोबी ने भी यही मानकर अपने मत के समर्थन में ल्यूमेन को साक्ष्य माना है।

११. नाट्य (नट्टेहि)

शान्त्याचार्य ने नट्ट की व्याख्या नाट्य और नृत्य इन दोनों रूपों में की है। जिसमें बत्तीस पात्र हों, वह 'नाट्य' होता है। जिसमें अंगहार (अंगविक्षेप) की प्रधानता हो, वह 'नृत्य' होता है।

भारतीय नृत्य के तीन विभाग हैं—नाट्य, नृत्य और नृत्त।

नाट्य—किसी रस-मूलक अवस्था के अनुकरण को नाट्य कहते हैं। नाट्य के आठ रस होते हैं—श्रृङ्गार, हास्य, करुण, वीर, रौद्र, भयानक, वीभत्स और अद्भुत। नवां शान्तरस नाट्य में नगण्य है। रस का आधार है भाव। भाव के उद्दीप्त होने पर रस की सृष्टि होती है।

नाट्य की अवस्थानुकृति चार प्रकार के साधनों से होती है—

(१) आंगिक—हाथ-पैर का संचालन। इसके अन्तर्गत मुद्राएं हैं।

(२) वाचिक—स्वर, वाणी तथा भाव का अनुकरण।

(३) आहार्य—वेशभूषा का अनुकरण।

(४) सात्त्विक—सात्त्विक भावों का अनुकरण।

सात्त्विक भाव आठ हैं—

(१) स्तम्भ—अंग-संचालन शक्ति का लोप होना

(२) प्रलय—संज्ञा का लोप होना।

(३) रोमांच—रोंगटे खड़े होना।

(४) स्वेद—पसीना छलकना।

(५) वैवर्ण्य—रंग बदलना।

(६) वेपथु—कंपकंपी।

(७) अश्रु—आंसू बहाना।

(८) वैस्वर्य—स्वर विकृत होना।

नृत्य—भाव-मूलक अवस्थानुकृति को 'नृत्य' कहते हैं। भाव मन के विकार को कहते हैं। भाव दो प्रकार के होते हैं—स्थायीभाव और संचारीभाव। स्थायीभाव हृदय पर देर तक अंकित रहते हैं। संचारीभाव तरंगों की भांति थोड़े काल के लिए उठते हैं। इनकी संख्या तेतीस कही गई है।

नृत्त—लय तथा तालमूलक अवस्थाकृति को 'नृत्त' कहते हैं। नृत्य और नृत्त मूक होते हैं। इनमें वाचिक साधन का प्रयोग नहीं होता। मूक नृत्य की भाषा अनुभाव (सात्त्विक-भाव) और मुद्राएं हैं। नृत्य द्वारा भाव-प्रदर्शन होता है और नृत्त द्वारा लय और ताल-प्रदर्शन होता है।

१२. (श्‍लोक १६)

प्रस्तुत श्‍लोक में जिन चार बातों का कथन किया गया है, यह सापेक्ष वक्तव्य है। यह विराग या परमार्थ की भूमिका का दृष्टिकोण है।

(१) सव्वं विलवियं गीयं—

''विलवियं'' का अर्थ है—विलाप। वृत्तिकार ने विलाप के दो हेतु माने हैं—निरर्थकता और रुदनमूलकता। गीत विलाप इसलिए है कि वह मत्त बालकों की भांति निरर्थक होता है। वह विलाप इसलिए है कि वह विधवा या परदेशांतर गए हुए पति की पत्‍नी के रुदन से उद्भूत होता है, इसलिए वह रुदनधर्मा है।

नौकर अपने कुपित स्वामी को प्रसन्न करने के लिए जो-जो वचन कहता है, अपने आपको दास की भांति खड़ा रखकर, प्रणत होकर जो कुछ याचना करता है, वह सारा विलाप ही है। प्रोषितभर्तृका स्त्री और नौकर जो क्रियाएं करते हैं, वे सब गीत कहलाती हैं। क्या यह विलाप नहीं है? रोग से अभिभूत अथवा इष्ट के वियोग से दु:खी व्यक्ति क्या विलाप नहीं करता? उसी प्रकार जो गीत आदि गाते हैं, वे राग की वेदना से अभिभूत होकर गाते हैं। यह भी विलाप ही है।

(२) सव्वं नट्टं विडंबियं—

चूर्णिकार ने विडंबना की व्याख्या इस प्रकार की है—जो स्त्री या पुरुष यक्षाविष्ट है, शत्रु पक्ष के द्वारा अवरुद्ध है अथवा पीकर उन्मत्त हो चुका है वह शरीर और वाणी से जो चेष्टाएं करता है, वे सारी विडंबना हैं। इसी प्रकार जो स्त्री या पुरुष अपने स्वामी के परितोष के लिए अथवा किसी धनवान् के द्वारा नियुक्त किए जाने पर शास्त्रीय विधि के अनुसार नाट्य का सहारा लेकर हाथ, पैर, नयन, होठ आदि का संचालन करता है—विविध प्रकार की मुद्राओं में हावभाव करता हुआ नाचता है, यह सारी विडंबना ही है।

(३) सव्वे आभरणा भारा—

जो व्यक्ति किसी की आज्ञा का वशवर्ती होकर मुकुट आदि आभरण धारण करता है, वह भार का अनुभव करता हुआ पीड़ित होता है। जो दूसरों को विस्मित करने के लिए उन्हीं आभरणों को स्वयं धारण करता है तब कार्य की गुरुता को ध्यान में रखकर भार को महसूस नहीं करता। पर वे वास्तव में भारभूत ही होते हैं।

एक श्रेष्ठिपुत्र की पुत्रवधू बहुत प्रेमालु और कोमलांगी थी। एक बार सासू ने कहा—बहू! चौक में जो पत्थर की लोढी पड़ी है, उसे उठा ला। वह बोली—'मां! वह बहुत भारी है, मैं उसे उठा नहीं सकती। पति ने सोचा—यह शारीरिक श्रम से जी चुरा रही है। उसने एक उपाय सोचा। उसने उस पत्थर पर स्वर्ण का झोल चढ़वाया और उसे गले के आभूषण का रूप दे दिया। उसे लेकर वह पत्‍नी के पास आकर बोला—मैं स्वर्ण का एक आभूषण लाया हूं। वह भारी अवश्य है, पर है सुन्दर और मूल्यवान्। पत्‍नी बोली—कोई चिन्ता नहीं है। मैं उसे गले में धारण कर लूंगी। उसने उसे गले में पहन लिया। वह भारी-भरकम था। गले के लिए आरामदेय भी नहीं था। पर था स्वर्ण का आभूषण। कुछ दिन बीते। एक दिन पति ने मुस्करा कर कहा—प्रिये! तुमने उस दिन कहा था कि पत्थर की लोढी भारी है, इसलिए उठा नहीं सकती। पर तुम बीस दिनों से उसी लोढी को गले में लटकाए घूम रही हो। क्या भार नहीं लगा? इतना सुनते ही वह लज्जित होकर अपने बहाने पर पश्‍चात्ताप करने लगी।'

१३. दोनों ने.....निवास किया (वुच्छामु)

वृत्ति में 'वुच्छा' और 'मु' को अलग-अलग मानकर 'वुच्छा' का अर्थ निवास किया है और 'मु' का अर्थ—हम दोनों ने—किया है।

१४. वर्तमान में (दाणिसिं)

बृहद्वृत्तिकार ने 'सिं' को पद-पूर्ति के लिए माना है और वैकल्पिक रूप में 'दाणिसिं' को देशी भाषा का शब्द मानकर इसका अर्थ इदानीं—वर्तमान में किया है।

१५. आदान-चारित्र धर्म की (आयाण)

'आयाण' के संस्कृत रूप दो बनते हैं—आदान और आयान। आगमों में यह शब्द अनेक अर्थों में प्रयुक्त हुआ है—

१. इन्द्रिय।

२. ज्ञान आदि।

३. मार्ग।

४. आदि—प्रथम।

५. व्रतों का स्वीकार।

६. संयम।

७. कर्म।

८. चारित्र।

९. उपादान।

१०. परिग्रह।

११. ज्ञान, दर्शन और चरित्र।

१६. प्रचुर (धणियं)

यह देशीपद प्रचुर के अर्थ में प्रयुक्त है।

१७. शुभ अनुष्ठान (पुण्णाइं)

यहां पुण्य पद धर्म के अर्थ में प्रयुक्त है। चौथे चरण में धर्म शब्द का प्रयोग भी है। 'पुव्वाइं अकुव्वमाणो' और 'धम्मं अकाऊण'—इन दोनों में संबद्धता है। पुण्य नौ पदार्थों में एक पदार्थ है। उसका अर्थ है—शुभ कर्म पुद्गल का उदय। यहां यह अर्थ प्रासंगिक नहीं है।

१८. अंशधर (अंसहर)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—अंशधर और अंशहर। 'अंशधर' का अर्थ है—अपने जीवन का अंश देकर मरते हुए को बचाने वाला। 'अंशहर' का अर्थ है—दु:ख में भाग बंटाने वाला।

१९. ज्ञाति.....बांधव (नाइओ...बंधवा)

ज्ञाति और बन्धु—इन दोनों शब्दों के अर्थ भिन्न-भिन्न हैं। जो दूरवर्ती स्वजन हैं, वे ज्ञाति कहलाते हैं। जो निकटवर्ती सगे-संबंधी हैं, वे बन्धु कहलाते हैं।

२०. (एक्को.....अणुजाइ कम्मं)

कर्मवाद का सिद्धांत है—प्राणी अकेला ही अपने दु:ख और सुख का अनुभव करता है। कोई भी उसमें हिस्सा नहीं बंटाता। जैसे—वत्सो विन्दति मातरं—बछड़ा गाय के पीछे-पीछे चलता है, वैसे ही कर्म कर्त्ता का अनुगमन करता है। कर्म का सिद्धांत नितांत व्यक्तिवादी है। कर्म करने और भोगने में व्यक्ति केवल व्यक्ति रहता है। इस क्षेत्र में वह कभी सामुदायिक नहीं बनता।

२१. दूसरे दाता के पीछे चले जाते हैं (दायारमन्नं अणुसंकमंति)

यह पद्यांश प्राचीन कौटुम्बिक परम्परा का द्योतक है। उस समय घर का मुखिया मर जाने पर, दूसरे को मुखिया बना लिया जाता था। घर का स्वामित्व उसी का हो जाता था।

व्यक्ति जब मर जाता है तब ज्ञातिजन उसे यथाशीघ्र श्मशान घाट ले जाना चाहते हैं। वे उस शव को श्मशान में ले जाकर लोकलाज से उसे जलाकर राख कर डालते हैं। वे फिर कुछ लौकिक कृत्य करते हैं, रोते हैं, विलाप करते हैं, फिर उसे विस्मृत कर अपने स्वार्थ-संपादन के लिए आजीविका देने वाले दूसरे दाता का आश्रय ले लेते हैं। फिर वे कभी उसकी बात भी नहीं करते, अनुगमन तो दूर रहा।

२२. प्रचुर कर्म (कम्माइं महालयाइं)

चूर्णिकार के अनुसार इसका अर्थ है—अनन्त और दीर्घ स्थिति वाले कर्म। उनको क्षीण करना कष्टसाध्य होता है, इसलिए दीर्घकाल तक उन्हें भोगना पड़ता है।

वृत्ति में इसका मुख्य अर्थ प्रचुर या अनन्त है और वैकल्पिक अर्थ है—अत्यन्त चिकने कर्म, वैसे कर्म जिनका अनुभाग—आश्‍लेष बहुत सघन हो।

२३ (व)

'इव' अर्थ में चार अव्यय प्रयुक्त होते हैं—पिव, मिव, विव और व। यहां 'व इव अर्थ में प्रयुक्त है।'

२४. आरंभ और परिग्रह में (आरंभ परिग्गहेसु)

आरम्भ और परिग्रह—यह एक युगल है। आरम्भ का अर्थ है—हिंसा और परिग्रह का अर्थ है—पदार्थ का संग्रह। दोनों अन्योन्याश्रित हैं। परिग्रह हिंसामूलक होता है। हिंसा के लिए परिग्रह नहीं होता, परिग्रह के लिए हिंसा होती है, इसलिए हिंसा और परिग्रह साथ-साथ चलते हैं—हिंसा+परिग्रह, परिग्रह+हिंसा।

स्थानांग सूत्र में जीव को अनेक वस्तुओं की अनुपलब्धि के आरम्भ और परिग्रह को मुख्य हेतु माना है—आरंभे चेव परिग्गहे चेव।

२५. (श्‍लोक ३४, ३५)

'अणुत्तर'—अनुत्तर शब्द दो श्‍लोकों में चार बार प्रयुक्त है। चौंतीसवें श्‍लोक में वह काम-भोग और नरक का विशेषण है। पैंतीसवें में वह संयम और सिद्धि-गति का विशेषण है। अनुत्तर का अर्थ है—प्रकृष्ट। ब्रह्मदत्त के काम-भोग प्रकृष्ट थे, इसलिए वह मर कर प्रकृष्ट (सर्वोत्कृष्ट) नरक में उत्पन्न हुआ। स्थानांग में बताया गया है कि ब्रह्मदत्त चक्रवर्ती मर कर सातवीं पृथ्वी अप्रतिष्ठान नामक नरक में गया।

चित्र का संयम प्रकृष्ट था, इसलिए वह प्रकृष्ट (सर्वोत्कृष्ट सुखमय) सिद्धिगति में गया।

♦

चौदहवां अध्ययन : इषुकारीय

14

चौदहवां अध्ययन : इषुकारीय

आमुख

इस अध्ययन के छह पात्र हैं—(१) महाराज इषुकार (२) रानी कमलावती (३) पुरोहित भृगु (४) पुरोहित की पत्‍नी यशा और (५-६) पुरोहित के दो पुत्र।

इनमें भृगु पुरोहित का कुटुम्ब ही इस अध्ययन का प्रधान पात्र है। किन्तु राजा की लौकिक प्रधानता के कारण इस अध्ययन का नाम 'इषुकारीय' रखा गया है।

इस अध्ययन का प्रतिपाद्य है 'अन्यत्व भावना' का उपदेश। आगम-काल में कई मतावलम्बियों की यह मान्यता थी कि पुत्र के बिना गति नहीं होती, स्वर्ग नहीं मिलता। जो व्यक्ति गृहस्थ-धर्म का पालन करता है वह स्वर्ग प्राप्त कर लेता है। जिसके कोई सन्तान नहीं है उसका कोई लोक नहीं होता। पुत्र से ही परभव होता है, सुधरता है। इसी के फलस्वरूप—

१. 'अपुत्रस्य गतिर्नास्ति, स्वर्गो नैव च नैव च।

गृहिधर्ममनुष्ठाय, तेन स्वर्गं गमिष्यति।।'

२. ''अनपत्यस्य लोका न सन्ति।''

३. ''पुत्रेण जायते लोक:, इत्येषा वैदिकी श्रुति:।

अथ पुत्रस्य पुत्रेण, स्वर्गलोके महीयते।।''

आदि-आदि सूक्त प्रचलित हो रहे थे और लोगों का अधिक भाग इसमें विश्‍वास करने लगा था। पुत्र-प्राप्ति के लिए सभी संभावित प्रयत्‍न किए जाते थे। पुत्रोत्पत्ति से जीवन की महान् सफलता मानी जाती थी। इस विचारधारा ने दाम्पत्य-जीवन का उद्देश्य स्पष्ट कर दिया था, परन्तु अध्यात्म के प्रति उदासीन भाव प्रतिदिन बढ़ते जा रहे थे। उस समय यह मान्यता प्रचलित थी कि यदि पुत्र से ही स्वर्ग-प्राप्ति हो जाती है तो दान आदि धर्म व्यर्थ हैं।

भगवान् महावीर स्वर्ग और नरक की प्राप्ति में व्यक्ति-व्यक्ति की प्रवृत्ति को महत्व देते थे। उन्होंने कहा—''पुण्य-पाप व्यक्ति-व्यक्ति का अपना होता है। माता-पिता, भाई-बन्धु, पुत्र-स्त्री आदि कोई भी प्राणी त्राण नहीं होता है। सबको स्वतंत्र रूप से अपने-अपने कर्मों का फल-विपाक भोगना पड़ता है।'' इस अध्ययन में इस भावना का स्फुट चित्रण है।

निर्युक्तिकार ने ग्यारह गाथाओं में कथावस्तु को प्रस्तुत किया है। उसमें सभी पात्रों के पूर्व-भव, वर्तमान-भव में उनकी उत्पत्ति तथा निर्वाण का संक्षिप्त चित्रण है।

पूर्व अध्ययन में वर्णित चित्र और सम्भूत के पूर्व-जन्म में दो ग्वाले मित्र थे। उन्हें साधु के अनुग्रह से सम्यक्त्व की प्राप्ति हुई। वे वहां से मर कर देवलोक में गए। वहां से च्युत होकर उन्होंने क्षितिप्रतिष्ठित नगर में एक इभ्य-कुल में जन्म लिया। वे बड़े हुए। चार इभ्य-पुत्र उनके मित्र बने। उन सबने युवावस्था में कामभोगों का उपभोग किया, फिर स्थविरों से धर्म सुन प्रव्रजित हुए। चिरकाल तक संयम का अनुपालन किया। अन्त में अनशन कर सौधर्म देवलोक के पद्मगुल्म नामक विमान में चार पल्य की स्थिति वाले देव बने। दोनों ग्वाल-पुत्रों को छोड़ कर शेष चारों मित्र वहां से च्युत हुए। उनमें एक कुरु जनपद के इषुकार नगर में इषुकार नाम का राजा हुआ और दूसरा उसी राजा की रानी कमलावती। तीसरा भृगु नाम का पुरोहित हुआ और चौथा भृगु पुरोहित की पत्‍नी यशा। बहुत काल बीता। भृगु पुरोहित के कोई पुत्र नहीं हुआ। पति-पत्‍नी चिन्तित रहने लगे।

एक बार दोनों ग्वाल-पुत्रों ने, जो तब देव-भव में थे, अवधिज्ञान से जाना कि वे भृगु पुरोहित के पुत्र होंगे। वे वहां से चले। श्रमण का रूप बना भृगु पुरोहित के पास आए। भृगु और यशा दोनों ने वन्दना की। मुनियों ने धर्म का उपदेश दिया। भृगु-दम्पति ने श्रावक के व्रत स्वीकार किए। पुरोहित ने पूछा—''भगवन्! हमारे कोई पुत्र होगा या नहीं?'' श्रमण-युगल ने कहा—''तुम्हारे दो पुत्र होंगे किन्तु वे बाल्यावस्था में ही दीक्षित हो जायेंगे। उनकी प्रव्रज्या में तुम्हें कोई व्याघात उपस्थित नहीं करना होगा। वे दीक्षित होकर धर्म-शासन की प्रभावना करेंगें।'' इतना कह दोनों श्रमण वहां से चले गए। पुरोहित पति-पत्‍नी को प्रसन्नता हुई। कालान्तर में वे दोनों देव पुरोहित पत्‍नी के गर्भ में आए। दीक्षा के भय से पुरोहित नगर को छोड़ व्रज गांव में जा बसा। वहां पुरोहित की पत्‍नी यशा ने दो पुत्रों को जन्म दिया। वे कुछ बड़े हुए। माता-पिता ने सोचा ये कहीं दीक्षित न हो जाएं अत: एक बार उनसे कहा—''पुत्रों! ये श्रमण सुन्दर-सुन्दर बालकों को उठा ले जाते हैं और मार कर उनका मांस खाते हैं। उनके पास तुम दोनों कभी मत जाना।''

एक बार दोनों बालक खेलते-खेलते गांव से बहुत दूर निकल गए। उन्होंने देखा कि कई साधु उसी मार्ग से आ रहे हैं। भयभीत हो वे एक वृक्ष पर चढ़ गए। संयोगवश साधु भी उसी वृक्ष की सघन छाया में आ बैठे। बालकों का भय बढ़ा। माता-पिता की शिक्षा स्मृति पटल पर नाचने लगी। साधुओं ने कुछ विश्राम किया। झोली से पात्र निकाले और सभी एक मण्डली में भोजन करने लगे। बालकों ने देखा कि मुनि के पात्रों में मांस जैसी कोई वस्तु है ही नहीं। साधुओं को सामान्य भोजन करते देख बालकों का भय कम हुआ। बालकों ने सोचा—''अहो! हमने ऐसे साधु अन्यत्र भी कहीं देखे हैं।'' चिंतन चला। उन्हें जातिस्मृति-ज्ञान उत्पन्न हुआ। वे नीचे उतरे, मुनियों की वन्दना की और सीधे अपने माता-पिता के पास आए।

उन्होंने माता-पिता से कहा—''हमने देख लिया है कि मनुष्य-जीवन अनित्य है, विघ्न-बहुल है और आयु थोड़ी है इसलिए घर में हमें कोई आनन्द नहीं है। हम मुनि-चर्या को स्वीकार करने के लिए आपकी अनुमति चाहते हैं।'' (श्‍लोक ७)

पिता ने कहा—''पुत्रों! वेदों को जानने वाले इस प्रकार कहते हैं कि जिनके पुत्र नहीं होता उनकी गति नहीं होती। इसलिए वेदों को पढ़ो। ब्राह्मणों को भोजन कराओ। स्त्रियों के साथ भोग करो। पुत्रोत्पन्न करो। पुत्रों का विवाह कर, उन्हें घर सौंप कर अरण्यवासी प्रशस्त मुनि हो जाना।'' (श्‍लोक ८, ९)

पुत्रों ने कहा—''वेद पढ़ने पर भी वे त्राण नहीं होते। ब्राह्मणों को भोजन कराने पर वे नरक में ले जाते हैं। औरस पुत्र भी त्राण नहीं होते। काम-भोग क्षण भर सुख और चिरकाल दु:ख देने वाले, बहुत दु:ख और थोड़ा सुख देने वाले, संसार-मुक्ति के विरोधी और अनर्थों की खान हैं। काल सदा तैयार खड़ा है। ऐसी स्थिति में प्रमाद कैसे किया जाए?'' (श्‍लोक १२, १३, १५)

पिता ने कहा—''पुत्रों! जिसके लिए सामान्यतया लोग तप किया करते हैं वह सब कुछ—प्रचुर धन, स्त्रियां, स्वजन और इन्द्रियों के विषय तुम्हें यहीं प्राप्त हैं फिर तुम किसलिए श्रमण होना चाहते हो?'' (श्‍लोक १६)

पुत्रों ने कहा—''जहां धर्म की धुरा को वहन करने का अधिकार है वहां धन, स्वजन और इन्द्रियों के विषयों का क्या प्रयोजन? हम सभी प्रतिबन्धों से मुक्त होकर भिक्षा से निर्वाह करने वाले श्रमण होंगे।'' (श्‍लोक १७)

नास्तिक मान्यता का यह घोष था कि शरीर से भिन्न कोई चैतन्य नहीं है। पांच भूतों के समवाय से उसकी उत्पत्ति होती है और जब वे भूत विलग हो जाते हैं तब चैतन्य भी नष्ट हो जाता है। ''अरणि में अग्‍नि, दूध में घृत और तिल में तेल अविद्यमान होने पर भी उचित प्रक्रिया के द्वारा उत्पन्न हो जाते हैं। उसी प्रकार भूतों से चैतन्य की उत्पत्ति माननी चाहिए।'' (श्‍लोक १८)

आस्तिक मान्यता को स्पष्ट करते हुए पुत्रों ने कहा—''आत्मा अमूर्त्त है इसलिए यह इन्द्रियों द्वारा गम्य नहीं है। यह अमूर्त्त है इसलिए नित्य है। आत्मा के आन्तरिक दोष ही उसके बंधन के हेतु हैं और बंधन ही संसार का हेतु है।'' (श्‍लोक १९)

पिता-पुत्र का यह वार्तालाप आगे चलता है। पिता ब्राह्मण-संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर बातें करता है और दोनों पुत्र श्रमण-संस्कृति की भित्ति पर चर्चा करते हैं। अन्त में पुरोहित को संसार की असारता और क्षणभंगुरता पर विश्‍वास पैदा हो जाता है और उसका मन संवेग से भर जाता है। वह अपनी पत्‍नी को समझाता है। पूर्ण विचार-विमर्श कर चारों (माता-पिता तथा दोनों पुत्र) प्रव्रजित हो जाते हैं।

यहां एक सामाजिक तथ्य का उद्घाटन हुआ है। उस समय यह राज्य का विधान था कि जिसके कोई उत्तराधिकारी नहीं होता उसकी सम्पत्ति राजा की मानी जाती थी। भृगु पुरोहित का सारा परिवार दीक्षित हो गया। राजा ने यह बात सुनी। उसने सारी सम्पत्ति पर अधिकार करना चाहा। रानी कमलावती को यह मालूम हुआ और उसने राजा से कहा—''राजन्! वमन को खाने वाले पुरुष की प्रशंसा नहीं होती। आप ब्राह्मण के द्वारा परित्यक्त धन को लेना चाहते हैं, यह वमन पीने जैसा है।'' (श्‍लोक ३७, ३८)

रानी ने भोगों की असारता पर पूर्ण प्रकाश डाला। राजा के मन में विराग जाग उठा। राजा-रानी दोनों प्रव्रजित हो गए।

इस प्रकार यह अध्ययन ब्राह्मण-परम्परा तथा श्रमण-परम्परा की मौलिक मान्यताओं की चर्चा प्रस्तुत करता है। निर्युक्तिकार ने राजा के लिए 'सीमंधर' नाम का भी प्रयोग किया है। वृत्तिकार ने 'इषुकार' को राज्यकालीन नाम और 'सीमंधर' को राजा का मौलिक नाम होने की कल्पना की है।

बौद्ध-साहित्य के हस्तिपाल जातक (५०९) में कुछ परिवर्तन के साथ इस कथा का निरूपण हुआ है।

चउदसमं अज्झयणं : उसुयारिज्जं

चौदहवां अध्ययन : इषुकारीय

मूल

१. देवा भवित्ताण पुरे भवम्मी, केई चुया एगविमाणवासी।

पुरे पुराणे उसुयारनामे, खाए समिद्धे सुरलोगरम्मे।।

हिन्‍दी अनुवाद

पूर्वजन्म में, देवता होकर एक ही विमान में रहने वाले१ कुछ जीव देवलोग से च्युत हुए। उस समय इषुकार नाम का एक नगर था—प्राचीन, प्रसिद्ध, समृद्धिशाली और देवलोक के समान।

२. सकम्मसेसेण पुराकएणं, कुलेसु दग्गेसु य ते पसूया।

निव्विण्णसंसारभया जहाय, जिणिंदमग्गं सरणं पवन्ना।।

उन जीवों के अपने पूर्वकृत पुण्य-कर्म बाकी थे।२ फलस्वरूप वे इषुकार नगर के उत्तम कुलों में उत्पन्न हुए। संसार के भय से खिन्न होकर उन्होंने भोगों को छोड़ा और जिनेन्द्रमार्ग की शरण में चले गए।

३. पुमत्तमागम्म कुमार दो वी, पुरोहिओ तस्स जसा य पत्ती।

विसालकित्ती य तहोसुयारो, रायत्थ देवी कमलावई य।।

दोनों पुरोहित कुमार, पुरोहित, उसकी पत्‍नी यशा, विशाल कीर्ति वाला इषुकार राजा और उसकी रानी कमलावती—ये छहों व्यक्ति मनुष्य जीवन प्राप्त कर जिनेन्द्र-मार्ग की शरण में चले गए।

४. जाईजरामच्चुभयाभिभूया, बहिंविहाराभिनिविट्ठचित्ता।

संसारचक्कस्स विमोक्खणट्ठा, दट्ठूण ते कामगुणे विरत्ता।।

ब्राह्मण के योग्य यज्ञ आदि करने वाले पुरोहित के दोनों प्रिय पुत्रों ने एक बार निर्ग्रन्थ को देखा। उन्हें पूर्वजन्म की स्मृति हुई और भलीभांति आचरित तप और संयम की स्मृति जाग उठी।

५. पियपुत्तगा दोन्नि वि माहणस्स, सकम्मसीलस्स पुरोहियस्स।

सरित्तु पोराणिय तत्थ जाइं, तहा सुचिण्णं तवसंजमं च।।

वे जन्म, जरा और मृत्यु३ के भय से अभिभूत हुए। उनका चित्त मोक्ष की ओर खिंच गया। संसारचक्र४ से मुक्ति पाने के लिए वे कामगुणों से विरक्त हो गए।५

६. ते कामभोगेसु असज्जमाणा, माणुस्सएसुं जे यावि दिव्वा।

मोक्खाभिकंखी अभिजायसड्ढा, तायं उवागम्म इमं उदाहु।।

उनकी मनुष्य और देवता सम्बन्धी काम-भोगों में आसक्ति जाती रही। मोक्ष की अभिलाषा और धर्म की श्रद्धा से प्रेरित होकर वे पिता के पास आए और इस प्रकार कहने लगे—

७. असासयं दट्ठु इमं विहारं, बहुअंतरायं न य दीहमाउं।

तम्हा गिहंसि न रइं लहामो, आमंतयामो चरिस्सामु मोणं।।

''हमने देखा है कि यह मनुष्य जीवन६ अनित्य है, उसमें भी विघ्न बहुत हैं और आयु थोड़ी है। इसलिए घर में हमें कोई आनन्द नहीं है। हम मुनि-चर्या७ को स्वीकार करने के लिए आपकी अनुमति चाहते हैं।''

८. अह तायगो तत्थ मुणीण तेसिं, तवस्स वाघायकरं वयासी।

इमं वयं वेयविओ वयंति, जहा न होई असुयाण लोगो।।

उनके पिता ने उन कुमार मुनियों८ की तपस्या में बाधा उत्पन्न करने वाली बातें कहीं—'पुत्रो! वेदों को जानने वाले इस प्रकार कहते हैं कि जिनको पुत्र नहीं होता उनकी गति नहीं होती।'

९. अहिज्ज वेए परिविस्स विप्पे, पुत्ते पडिट्ठप्प गिहंसि जाया!।

भोच्चाण भोए सह इत्थियाहिं, आरण्णगा होह मुणी पसत्था।।

''पुत्रों! इसलिए वेदों को पढ़ो। ब्राह्मणों को भोजन कराओ। स्त्रियों के साथ भोग भोगो। पुत्रों को उत्पन्न करो। उनका विवाह कर, घर का भार सौंप फिर अरण्यवासी९ प्रशस्त मुनि हो जाना।''१०

१०. सोयग्गिणा आयगुणिंधणेणं, मोहाणिला पज्जलणाहिएणं।

संतत्तभावं परितप्पमाणं, लोलुप्पमाणं बहुहा बहुं च।।

११. पुरोहियं तं कमसोऽणुणंतं, निमंतयंतं च सुए धणेणं।

जहक्कमं कामगुणेहि चेव, कुमारगा ते पसमिक्ख वक्कं।।

दोनों कुमारों ने सोच-विचारपूर्वक उस पुरोहित को—जिसका मन और शरीर आत्मगुण रूपी इन्धन और मोह रूपी पवन से अत्यन्त प्रज्वलित शोकाग्‍नि से संतप्त और परितप्त हो रहा था११, जिसका हृदय वियोग की आशंका से अतिशय१२ छिन्न हो रहा था, जो एक-एक कर अपने अभिप्राय अपने पुत्रों को समझा रहा था और उन्हें धन और क्रमप्राप्त कामभोगों का निमंत्रण दे रहा था—ये वाक्य कहे—

१२. वेया अहीया न भवंति ताणं, भुत्ता दिया निंति तमं तमेणं।

जाया य पुत्ता न हवंति ताणं, को णाम ते अणुमन्नेज्ज एयं।।

''वेद पढ़ने पर भी वे त्राण नहीं होते। ब्राह्मणों को भोजन कराने पर वे अन्धकारमय१३ नरक में ले जाते हैं। औरस पुत्र भी त्राण नहीं होते।१४ इसलिए आपने कहा उसका अनुमोदन कौन कर सकता है?''

१३. खणमेत्तसोक्खा बहुकालदुक्खा, पगामदुक्खा अणिगामसोक्खा।

संसारमोक्खस्स विपक्खभूया, खाणी अणत्थाण उ कामभोगा।।

''ये कामभोग क्षण भर सुख और चिरकाल दु:ख देने वाले हैं, बहुत दु:ख और थोड़ा सुख देने वाले हैं, संसार-मुक्ति के विरोधी हैं और अनर्थों की खान हैं।''

१४. परिव्वयंते अणियत्तकामे, अहो य राओ परितप्पमाणे।

अन्नप्पमत्ते धणमेसमाणे, पप्पोति मच्चुं पुरिसे जरं च।।

''जिसे कामनाओं से मुक्ति नहीं मिली वह पुरुष अतृप्ति की अग्‍नि से संतप्त होकर दिन-रात परिभ्रमण करता है। दूसरों के लिए प्रमत्त होकर१५ धन की खोज में लगा हुआ वह जरा और मृत्यु को प्राप्त होता है।''

१५. इमं च मे अत्थि इमं च नत्थि, इमं च मे किच्च इमं अकिच्चं।

तं एवमेवं लालप्पमाणं, हरा हरंति त्ति कहं पमाए?।।

''यह मेरे पास है और यह नहीं है, यह मुझे करना है और यह नहीं करना है—इस प्रकार वृथा बकवास करते हुए पुरुष को उठाने वाला काल१६ उठा लेता है। इस स्थिति में प्रमाद कैसे किया जाए?''

१६. धणं पभूयं सह इत्थियाहिं, सयणा तहा कामगुणा पगामा।

तवं कए तप्पइ जस्स लोगो, तं सव्व साहीणमिहेव तुब्भं।।

''जिसके लिए लोग तप किया करते हैं वह सब कुछ—प्रचुर धन, स्त्रियां, स्वजन और इन्द्रियों के विषय तुम्हें यहीं प्राप्त हैं फिर किसलिए तुम श्रमण होना चाहते हो?''—पिता ने कहा।

१७. धणेण किं धम्मधुराहिगारे, सयणेण वा कामगुणेहि चेव।

समणा भविस्सामु गुणोहधारी, बहिंविहारा अभिगम्म भिक्खं।।

पुत्र बोले—''पिता! जहां धर्म की धुरा को वहन करने का अधिकार है वहां धन, स्वजन और इन्द्रिय-विषय का क्या प्रयोजन है? कुछ भी नहीं। हम गुण-समूह से सम्पन्न श्रमण होंगे, प्रतिबन्ध-मुक्त होकर गांवों और नगरों में विहार करने वाले और भिक्षा लेकर जीवन चलाने वाले।''१७

१८. जहा य अग्गी अरणीउसंतो, खीरे घयं तेल्ल महातिलेसु।

एमेव जाया! सरीरंसि सत्ता, संमुच्छई नासइ नावचिट्ठे।।

''पुत्रों! जिस प्रकार अरणी में अविद्यमान अग्‍नि उत्पन्न होती है, दूध में घी और तिल में तेल पैदा होता है, उसी प्रकार शरीर में जीव उत्पन्न होते हैं और नष्ट हो जाते हैं। शरीर का नाश हो जाने पर उनका अस्तित्व नहीं रहता।''—पिता ने कहा।१८

१९. नो इंदियग्गेज्झ अमुत्तभावा, अमुत्तभावा वि य होइ निच्चो।

अज्झत्थहेउं निययस्स बंधो, संसारहेउं च वयंति बंधं।।

कुमार बोले—''पिता! आत्मा अमूर्त है इसलिए यह इन्द्रियों के द्वारा नहीं जाना जा सकता। यह अमूर्त है इसलिए नित्य है। यह निश्‍चय है कि आत्मा के आन्तरिक दोष ही उसके बन्धन के हेतु हैं और बन्धन ही संसार का हेतु है।''—ऐसा कहा है।१९

२०. जहा वयं धम्ममजाणमाणा, पावं पुरा कम्ममकासि मोहा।

ओरुज्झमाणा परिरक्खियंता, तं नेव भुज्जो वि समायरामो।।

''हम धर्म को नहीं जानते थे तब घर में रहे, हमारा पालन होता रहा और मोह-वश हमने पाप-कर्म का आचरण किया। किन्तु अब फिर पाप-कर्म का आचरण नहीं करेंगे।''

२१. अब्भाहयंमि लोगंमि, सव्वओ परिवारिए।

अमोहाहिं पडंतीहिं, गिहंसि न रइं लभे।।

''यह लोक पीड़ित हो रहा है, चारों ओर से घिरा हुआ है, अमोघा२० आ रही है। इस स्थिति में हमें सुख नहीं मिल रहा है।''

२२. केण अब्भाहओ लोगो? केण वा परिवारिओ?।

का वा अमोहा वुत्ता? जाया! चिंतावरो हुमि।।

''पुत्रों! यह लोक किससे पीड़ित है? किससे घिरा हुआ है? अमोघा किसे कहा जाता है? मैं जानने के लिए चिन्तित हूं।''—पिता ने कहा।

२३. मच्चुणाऽब्भाहओ लोगो, जराए परिवारिओ।

अमोहा रयणी वुत्ता, एवं ताय! वियाणह।।

कुमार बोले—''पिता! आप जानें कि यह लोक मृत्यु से पीड़ित है, जरा से घिरा हुआ है और रात्रि को अमोघा कहा जाता है।''

२४. जा जा वच्चइ रयणी, न सा पडिनियत्तई।

अहम्मं कुणमाणस्स, अफला जंति राइओ।।

''जो-जो रात बीत रही है, वह लौट कर नहीं आती। अधर्म करने वाले की रात्रियां निष्फल चली जाती हैं।''

२५. जा जा वच्चइ रयणी, न सा पडिनियत्तई।

धम्मं च कुणमाणस्स, सफला जंति राइओ।।

''जो-जो रात रात बीत रही है वह लौट कर नहीं आती। धर्म करने वाले की रात्रियां सफल होती हैं।''

२६. एगओ संवसित्ताणं, दुहओ सम्मत्तसंजुया।

पच्छा जाया! गमिस्सामो, भिक्खमाणा कुले कुले।।

''पुत्रों! पहले हम सब एक साथ रहकर सम्यक्त्व और व्रतों का पालन करें फिर तुम्हारा यौवन बीत जाने के बाद घर-घर से भिक्षा लेते हुए विहार करेंगे।''—पिता ने कहा।२१

२७. जस्सत्थि मच्चुणा सक्खं, जस्स वत्थि पलायणं।

जो जाणे न मरिस्सामि, सो हु कंखे सुए सिया।।

पुत्र बोले—''पिता कल की इच्छा वही कर सकता है, जिसकी मृत्यु के साथ मैत्री हो, जो मौत के मुंह से बच कर पलायन कर सके और जो जानता हो—मैं नहीं मरूंगा।''

२८. अज्जेव धम्मं पडिवज्जयामो, जहिं पवन्ना न पुणब्भवामो।

अणागयं नेव य अत्थि किंचि, सद्धाखमं णे विणइत्तु रागं।।

''हम आज ही उस मुनि-धर्म को स्वीकार कर रहे हैं, जहां पहुंच कर फिर जन्म लेना न पड़े। भोग हमारे लिए अप्राप्त नहीं हैं—हम उन्हें अनेक बार प्राप्त कर चुके हैं।२२ राग-भाव को दूर कर श्रद्धा-पूर्वक श्रेय की प्राप्ति के लिए हमारा प्रयत्‍न युक्त है।''

२९. पहीणपुत्तस्स हु नत्थि वासो, वासिट्ठि! भिक्खायरियाइ कालो।

साहाहि रुक्खो लहए समाहिं, छिन्नाहि साहाहि तमेव खाणुं।।

''पुत्रों के चले जाने के बाद मैं घर में नहीं रह सकता। हे वाशिष्ठि!२३ अब मेरा भिक्षाचर्या का काल आ चुका है। वृक्ष शाखाओं से समाधि को प्राप्त होता है। उनके कट जाने पर लोग उसे ठूंठ कहते हैं।''

३०. पंखाविहूणो व्व जहेह पक्खी, भिच्चाविहूणो व्व रणे नरिंदो।

विवन्नसारो वणिओ व्व पोए, पहीणपुत्तो मि तहा अहं पि।।

''बिना पंख का पक्षी, रण-भूमि में सेना रहित राजा और जल-पोत पर धन-रहित व्यापारी जैसा असहाय होता है, पुत्रों के चले जाने पर मैं भी वैसा ही हो जाता हूं।''

३१. सुसंभिया कामगुणा इमे ते, संपिंडिया अग्गरसा पभूया।

भुंजामु ता कामगुणे पगामं, पच्छा गमिस्सामु पहाणमग्गं।।

वाशिष्ठी ने कहा—''ये सुसंस्कृत२४ और प्रचुर श्रृंगार-रस२५ से परिपूर्ण इन्द्रिय-विषय, जो तुम्हें प्राप्त हैं, उन्हें अभी हम खूब भोगें। उसके बाद हम मोक्ष-मार्ग२६ को स्वीकार करेंगे।''

३२. भुत्ता रसा भोइ! जहाइ णे वओ, न जीवियट्ठा पजहामि भोए।

लाभं अलाभं च सुहं च दुक्खं, संचिक्खमाणो चरिस्सामि मोणं।।

पुरोहित ने कहा—''हे भवति!२७ हम रसों को भोग चुके हैं, वय हमें छोड़ता चला जा रहा है। मैं असंयम जीवन के लिए भोगों को नहीं छोड़ रहा हूं लाभ-अलाभ और सुख-दु:ख को समदृष्टि से देखता हुआ मैं मुनि-धर्म का आचरण करूंगा।''

३३. मा हू तुमं सोयरियाण संभरे, जुण्णो व हंसो पडिसोत्तगामी।

भुंजाहि भोगाइ मए समाणं, दुक्खं खु भिक्खायरियाविहारो।।

वाशिष्ठी ने कहा—''प्रतिस्रोत में बहने वाले बूढ़े हंस की तरह तुम्हें पीछे अपने बन्धुओं को याद करना न पड़े, इसलिए मेरे साथ भोगों का सेवन करो। यह भिक्षाचर्या और ग्रामानुग्राम विहार सचमुच दु:खदायी है।''

३४. जहा य भोई! तणुयं भुयंगो, निम्मोयणिं हिच्च पलेइ मुत्तो।

एमेए जाया पयहंति भोए, ते हं कहं नाणुगमिस्समेक्को?।।

''हे भवति! जैसे सांप अपने शरीर की केंचुली को छोड़ मुक्त-भाव से चलता है वैसे ही पुत्र भोगों को छोड़ कर चले जा रहे हैं। पीछे मैं अकेला क्यों रहूं, उनका अनुगमन क्यों न करूं?''

३५. छिंदित्तु जालं अबलं व रोहिया, मच्छा जहा कामगुणे पहाय।

धोरेयसीला तवसा उदारा, धीरा हु भिक्खायरियं चरंति।।

''जैसे रोहित मच्छ जर्जरित जाल को काट कर बाहर निकल जाते हैं वैसे ही उठाए हुए भार को वहन करने वाले प्रधान तपस्वी और धीर पुरुष कामभोगों को छोड़ कर भिक्षाचर्या को स्वीकार करते हैं।''

३६. नहेव कुंचा समइक्कमंता, तयाणि जालाणि दलित्तु हंसा।

पलेंति पुत्ता य पई य मज्झं, ते हं कहं नाणुगमिस्समेक्का?।।

वाशिष्ठी ने कहा—''जैसे क्रौंच पक्षी और हंस बहेलियों द्वारा बिछाए हुए जालों को काट कर आकाश में उड़ जाते हैं वैसे ही मेरे पुत्र और पति जा रहे हैं। पीछे मैं अकेली क्यों रहूं? उनका अनुगमन क्यों न करूं?''

३७. पुरोहियं तं ससुयं सदारं, सोच्चाभिनिक्खम्म पहाय भोए।

कुडुंबसारं विउलुत्तमं तं, रायं अभिक्खं समुवाय देवी।।

पुरोहित अपने पुत्र और पत्‍नी के साथ भोगों को छोड़ कर प्रव्रजित हो चुका है, यह सुन राजा ने उसके प्रचुर और प्रधान धन-धान्य आदि२८ को लेना चाहा तब महारानी कमलावती ने बार-बार२९ कहा—

३८. वंतासी पुरिसो रायं!, न सो होइ पसंसिओ।

माहणेण परिच्चत्तं, धणं आदाउमिच्छसि।।

''राजन्! वमन खाने वाले पुरुष की प्रशंसा नहीं होती। तुम ब्राह्मण के द्वारा परित्यक्त धन को लेना चाहते हो—यह क्या है?''

३९. सव्वं जगं जइ तुहं, सव्वं वावि धणं भवे।

सव्वं पि ते अपज्जत्तं, नेव ताणाय तं तव।।

''यदि समूचा जगत् तुम्हें मिल जाए अथवा समूचा धन तुम्हारा हो जाए तो भी वह तुम्हारी इच्छा-पूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं होगा और वह तुम्हें त्राण भी नहीं दे सकेगा।''३०

४०. मरिहिसि रायं! जया तया वा, मणोरमे कामगुणे पहाय।

एक्को हु धम्मो नरदेव! ताणं, न विज्जई अन्नमिहेह किंचि।।

''राजन्! इन मनोरम कामभोगों को छोड़ कर जब कभी मरना होगा३१। हे नरदेव! एक धर्म ही त्राण है।३२ उसके सिवाय कोई दूसरी वस्तु त्राण नहीं दे सकती।''३३

४१. नाहं रमे पक्खिणि पंजरे वा, संताणछिन्ना चरिस्सामि मोणं।

अकिंचणा उज्जुकडा निरामिसा, परिग्गहारंभनियत्तदोसा।।

''जैसे पक्षिणी पिंजड़े३४ में आनन्द नहीं मानती, वैसे ही मुझे इस बन्धन में आनन्द नहीं मिल रहा है। मैं स्‍नेह के जाल को तोड़ कर अकिंचन, सरल क्रिया वाली३५, विषय-वासना से दूर३६ और परिग्रह एवं हिंसा के दोषों से मुक्त३७ होकर मुनि-धर्म का आचरण करूंगी।''

४२. दवग्गिणा जहा रण्णे, डज्झमाणेसु जंतुसु।

अन्ने सत्ता पमोयंति, रागद्दोसवसं गया।।

''जैसे दावाग्‍नि लगी हुई है, अरण्य में जीव-जन्तु जल रहे हैं, उन्हें देख राग-द्वेष के वशीभूत होकर दूसरे जीव प्रमुदित होते हैं।''३८

४३. एवमेव वयं मूढा, कामभोगेसु मुच्छिया।

डज्झमाणं न बुज्झामो, रागद्दोसग्गिणा जगं।।

''उसी प्रकार कामभोगों में मूर्च्छित हो कर हम मूढ़ लोग यह नहीं समझ पाते कि यह समूचा संसार राग-द्वेष की अग्‍नि से जल रहा है।''

४४. भोगे भोच्चा वमित्ता य, लहुभूयविहारिणो।

आमोयमाणा गच्छंति, दिया कामकमा इव।।

''विवेकी पुरुष भोगों को भोग कर फिर उन्हें छोड़ वायु की तरह अप्रतिबद्ध-विहार करते हैं३९ और वे स्वेच्छा से विचरण करने वाले४० पक्षियों की तरह प्रसन्नतापूर्वक स्वतंत्र विहार करते हैं।''

४५. इमे य बद्धा फंदंति, मम हत्थऽज्जमागया।

वयं च सत्ता कामेसु, भविस्सामो जहा इमे।।

''आर्य! जो कामभोग अपने हाथों में आए हुए हैं और जिनको हमने नियंत्रित कर रखा है, वे कूद-फांद कर रहे हैं। हम कामनाओं में आसक्त बने हुए हैं किन्तु अब हम भी वैसे ही होंगे, जैसे कि अपनी पत्‍नी और पुत्रों के साथ भृगु हुए हैं।''

४६. सामिसं कुललं दिस्स, बज्झमाणं निरामिसं।

आमिसं सव्वमुज्झित्ता, विहरिस्सामि निरामिसा।।

''जिस गीध के पास मांस होता है उस पर दूसरे पक्षी झपटते हैं और जिसके पास मांस नहीं होता उस पर नहीं झपटते—यह देख कर मैं आमिष (धन, धान्य आदि) को छोड़, निरामिष हो कर विचरूंगी।''

४७. गिद्धोवमे उ नच्चाणं, कामे संसारवड्ढणे।

उरगो सुवण्णपासे व, संकमाणो तणुं चरे।।

''गीध की उपमा से काम-भोगों को संसारवर्धक जान कर मनुष्य को इनसे इसी प्रकार शंकित होकर चलना चाहिए, जिस प्रकार गरुड़ के सामने सांप शंकित होकर चलता है।''

४८. नागो व्व बंधणं छित्ता, अप्पणो वसहिं वए।

एयं पत्थं महारायं!, उसुयारि त्ति मे सुयं।।

''जैसे बन्धन को तोड़ कर हाथी अपने स्थान (विंध्याटवी) में चला जाता है, वैसे ही हमें अपने स्थान (मोक्ष) में चले जाना चाहिए। हे महाराज इषुकार! यह पथ्य है४१, इसे मैंने ज्ञानियों से सुना है।''

४९. चइत्ता विउलं रज्जं, कामभोगे य दुच्चए।

निव्विसया निरामिसा, निन्नेहा निप्परिग्गहा।।

राजा और रानी विपुल राज्य और दुस्त्यज कामभोगों को छोड़ निर्विषय४२, निरामिष, नि:स्‍नेह और निष्परिग्रह हो गए।

५०. सम्मं धम्मं वियाणित्ता, चेच्चा कामगुणे वरे।

तवं पगिज्झऽहक्खायं, घोरं घोरपरक्कमा।।

धर्म को सम्यक् प्रकार से जान, आकर्षक भोग-विलास को छोड़, वे तीर्थंकर के द्वारा उपदिष्ट घोर तपश्‍चर्या को स्वीकार कर संयम में घोर पराक्रम करने लगे।४३

५१. एवं ते कमसो बुद्धा, सव्वे धम्मपरायणा।

जम्ममच्चुभउव्विग्गा, दुक्खस्संतगवेसिणो।।

इस प्रकार वे सब क्रमश: बुद्ध होकर, धर्म-परायण, जन्म और मृत्यु के भय से उद्विग्‍न बन गए तथा दु:ख के अन्त की खोज में लग गए।

५२. सासणे विगयमोहाणं, पुव्विं भावणभाविया।

अचिरेणेव कालेण, दुक्खस्संतमुवागया।।

५३. राया सह देवीए, माहणो य पुरोहिओ।

माहणी दारगा चेव, सव्वे ते परिनिव्वुड।।

जिनकी आत्मा पूर्व-जन्म में कुशल-भावना से भावित थी वे सब—राजा, रानी, ब्राह्मण पुरोहित, ब्राह्मणी और दोनों पुरोहित कुमार अर्हत् के शासन में आकर दु:ख का अंत पा गए—मुक्त हो गए।४४

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १४ : इषुकारीय

१. (एगविमाणवासी)

ये सौधर्म देवलोक के पद्मगुल्म नामक एक ही विमान में रहते थे, इसलिए इन्हें 'एक विमानवासी' कहा गया है।

२. अपने...पुण्य कर्म बाकी थे (सकम्मसेसेण)

पुनर्जन्म के अनेक कारणों में यह भी एक प्रमुख कारण है। अपने किए हुए कर्म जब तक शेष रहते हैं तब तक जीव को जन्म लेना ही पड़ता है। इन छहों व्यक्तियों के पुण्य-कर्म शेष थे, इसलिए इनका जन्म उत्तम कुल में हुआ।

३. जन्म, जरा और मृत्यु (जाईजरामच्चु.....)

जन्म, जरा और मृत्यु—ये तीन भय माने जाते हैं। गीता में जन्म, जरा, मृत्यु और दु:ख—इन चारों का एक साथ उल्लेख प्राप्त है। ये भय के कारण भी हैं और वैराग्य के हेतु भी बनते हैं। रोग भी वैराग्य का कारण है। महात्मा बुद्ध को वृद्ध, रोगी और मृत व्यक्ति को देखकर वैराग्य हुआ था।

४. संसारचक्र (संसारचक्कस्स)

चूर्णिकार ने संसार-चक्र के छह आरे—विभाग माने हैं—जन्म, जरा, सुख, दु:ख, जीवन और मरण। इन सबसे आत्यन्तिक छुटकारा पाना ही मोक्ष है। इसका साधन है—विरति।

५. (बहिंविहार, कामगुणे विरत्ता)

बहिंविहार—बहिर्विहार अर्थात् मोक्ष। मोक्ष संसार के बाहर है—उससे भिन्न है, इसलिए उसे 'बहिर्-विहार' कहा गया है।

कामगुणे विरत्ता—शब्द आदि इन्द्रियों के विषय कामनाओं को उत्तेजित करते हैं, इसलिए ये 'काम-गुण' कहलाते हैं।

दूसरे श्‍लोक में बताया है कि वे छहों व्यक्ति जिनेन्द्र-मार्ग की शरण में चले गए। यहां 'कामगुणे-विरत्ता' की व्याख्या में बताया गया है कि काम-गुणों की विरक्ति का अर्थ ही जिनेन्द्र-मार्ग की शरण में जाना है।

६. मनुष्य जीवन (विहारं)

विहार शब्द के अनेक अर्थ हैं—मनोरंजन, घूमना, हाथ-पैर आदि का संचालन आदि। यहां विहार का अर्थ है—जीवन की समग्रता या संपूर्ण जीवन-यापन।

चूर्णि में इसका अर्थ भोग और वृत्ति में मनुष्यभव में अवस्थिति किया है।

७. मुनि-चर्या (मोणं)

इसका अर्थ है—मुनि-चर्या, संयम। मौन शब्द की व्युत्पत्ति है—मुनेर्भाव: मौनम्। मुनि का भाव अर्थात् ज्ञान या ज्ञानयुक्त आचरण।

८. (मुणीण)

टीकाकारों के अनुसार यह कुमारों का विशेषण है। यहां भावी मुनि को 'मुनि' कहा गया है। किन्तु जिन मुनियों को देख कर कुमारों को प्रव्रजित होने की प्रेरणा मिली, उनके तपोमार्ग का व्याघात करना पुरोहित के लिए इष्ट था, इसलिए मुनि शब्द के द्वारा उन मुनियों का भी ग्रहण किया जा सकता है।

९. अरण्यवासी (आरण्णगा)

ऐतरेय, कौशीतकी और तैतरीय—ये शास्त्र 'आरण्यक' कहलाते हैं। इनमें वर्णित विषयों के अध्ययन के लिए अरण्य का एकान्तवास आवश्यक था, इसलिए इन्हें आरण्यक कहा गया। अरण्य में रहकर साधना करने वाले मुनि भी आरण्यक कहलाते थे।

१०. (श्‍लोक ८-९)

ब्राह्मण और स्मृतिशास्त्र का अभिमत रहा है कि जो द्विज वेदों को पढ़े बिना, पुत्रों को उत्पन्न किए बिना और यज्ञ किए बिना मोक्ष की इच्छा करता है, वह नरक में जाता है, इसलिए वह विधिवत् वेदों को पढ़ कर, पुत्रों को उत्पन्न कर और यज्ञ कर मोक्ष में मन लगाए—संन्यासी बने। पुरोहित ने इसी सिद्धांत का प्रतिपादन किया है।

बौद्धायन धर्मसूत्र के अनुसार ब्राह्मण जन्म से ही तीन ऋणों—पितृ-ऋण, ऋषि-ऋण और देव-ऋण—को साथ लिए उत्पन्न होता है। इन ऋणों को चुकाने के लिए यज्ञ, याग आदि पूर्वक गृहस्थाश्रम का आश्रय करने वाला मनुष्य ब्रह्मलोक को पहुंचता है और ब्रह्मचर्य या संन्यास की प्रशंसा करने वाले लोग धूल में मिल जाते हैं।

स्मृतिकारों के अनुसार पितृ-ऋण सन्तानोत्पत्ति के द्वारा, ऋषि-ऋण स्वाध्याय के द्वारा और देव-ऋण यज्ञ आदि के द्वारा चुकाया जा सकता है।

महाभारत (शांतिपर्व, मोक्ष धर्म, अध्याय २७७) में एक ब्राह्मण और उसके मेधावी नामक पुत्र का संवाद है। पिता मोक्ष-धर्म में अकुशल और पुत्र मोक्ष-धर्म में विचक्षण था। उसने पिता से पूछा—''तात! मनुष्यों की आयु तीव्र गति से बीती जा रही है। इस बात को अच्छी तरह जानने वाला धीर पुरुष किस धर्म का अनुष्ठान करे? पिता! यह सब क्रमश: और यथार्थ रूप से आप मुझे बताइए, जिससे मैं भी उस धर्म का आचरण कर सकूं ।''

पिता ने कहा—''बेटा! द्विज को चाहिए कि वह पहले ब्रह्मचर्य-आश्रम में रह कर वेदों का अध्ययन कर ले, फिर पितरों का उद्धार करने के लिए गृहस्थ आश्रम में प्रवेश करके पुत्रोत्पादन की इच्छा करे। वहां विधि-पूर्वक अग्‍नियों की स्थापना करके उनमें विधिवत् अग्‍निहोत्र करे। इस प्रकार यज्ञ-कर्म का सम्पादन करके वानप्रस्थ आश्रम में प्रविष्ट हो मुनिवृत्ति से रहने की इच्छा करे।''

स्मृति ग्रन्थों में ब्राह्मणों को भोजन कराने का पुन:-पुन: विधान मिलता है।

११. संतप्त और परितप्त हो रहा था (संतत्तभावं परितप्पमाणं)

संतप्तभाव और परितप्यमान—इन दोनों में कार्य-कारण का सम्बन्ध है। जिसका भाव (अन्त:करण) संतप्त रहता है, वह परितप्यमान हो जाता है। यह शोक का आवेश शरीर में दाह उत्पन्न करने का हेतु बनता है। व्यक्ति दाह से चारों ओर परितप्त होता है।

१२. अतिशय (बहुहा बहुं च)

चूर्णि में बहुधा का अर्थ—पुन:-पुन: और बहु का अर्थ—बहुत प्रकार का है। वृत्ति में बहुधा का अर्थ—अनेक प्रकार का और बहु का अर्थ—प्रचुर है।

१३. अन्धकारमय नरक (तमं तमेणं)

वृत्तिकार ने 'तम' का अर्थ नरक और 'तमेण' का अर्थ अज्ञान से, किया है। 'तमंतमेणं' को एक शब्द तथा सप्तमी के स्थान में तृतीया विभक्ति मानी जाए तो इसका वैकल्पिक अर्थ होगा—अन्धकार से भी जो अति सघन अन्धकारमय हैं वैसे रौरव आदि नरक।

१४. (जाया य पुत्ता.....)

मनुस्मृति आदि में 'अपुत्रस्य गति र्नास्ति', 'अनपत्यस्य लोका न सन्ति', 'पुत्रेण जायते लोक:'—आदि सूक्तियां मिलती हैं। भगवान् महावीर ने कहा—माता, पिता, पुत्र, भार्या आदि कोई त्राण नहीं हो सकते। स्वर्ग या नरक की प्राप्ति में व्यक्ति का अपना पुरुषार्थ ही काम आता है। पुत्रोत्पत्ति से ही यदि स्वर्ग की प्राप्ति होती है तो भला कौन धर्म का आचरण करेगा?

१५. दूसरों के लिए प्रमत्त होकर (अन्नप्पमत्ते)

'अन्न' के संस्कृत रूप दो होते हैं—अन्य और अन्न। अन्य-प्रमत्त अर्थात् मित्र-स्वजन आदि के लिए प्रमाद में फंसा हुआ। अन्न-प्रमत्त अर्थात् भोजन या जीविका के लिए प्रमाद में फंसा हुआ।

१६. उठाने वाला काल (हरा)

यहां 'हर' शब्द का प्रयोग काल के अर्थ में किया गया है। रोग भी आयु का हरण करता है, इसलिए उसे भी 'हर' कहा जाता है। एक प्राचीन गाथा है—

किं तेसिं ण बीभेया, आसकिसोरीहिं सिग्घलग्गाणं।

आयुबल मोडयाणं दिवसाणं आवडंताणं?

१७. (श्‍लोक १७)

'धन के लिए धर्म नहीं करना चाहिए और धन से धर्म नहीं होता'—इस जैन-दृष्टि से परिचित कुमारों ने जो कहा वह धर्म के उद्देश्य के सर्वथा अनुरूप है। प्रस्तुत श्‍लोक का प्रतिपाद्य यह है कि धर्म के क्षेत्र में आत्मा के पवित्र आचरणों का ही महत्त्व है; धन, स्वजन और कामगुणों का कोई महत्त्व नहीं है। शान्त्याचार्य ने इस विचार के समर्थन में 'वेदेप्युक्तं' लिख कर एक वाक्य उद्धृत किया है—'न सन्तान के द्वारा, न धन के द्वारा किन्तु अकेले त्याग से ही लोगों ने अमृतत्व को प्राप्त किया है'—'न प्रजया न धनेन त्यागैनैकनामृतत्वमानशु:।'

गुणोह—चूर्णि में गुणौघ से अठारह हजार शीलांग का और टीका में सम्यक्-दर्शन आदि गुण-समूह का ग्रहण किया गया है।

बहिंविहारा—इसका द्रव्य और भाव—दोनों दृष्टियों से अर्थ किया गया है। द्रव्य-दृष्टि से बहिर्विहार का अर्थ है 'नगर आदि से बाहर रहने वाला' और भाव-दृष्टि से इसका अर्थ है 'प्रतिबन्ध रहित विहार करने वाला।' तीसरे श्‍लोक में यह शब्द मोक्ष के अर्थ में प्रयुक्त है।

१८. (श्‍लोक १८)

धर्माचरण का मूल आत्मा है। पुरोहित ने सोचा यदि मेरे पुत्र आत्मा के विषय में संदिग्ध हो जाएं तो इनमें मुनि बनने की प्रेरणा स्वत: समाप्त हो जाएगी। उसने इस भावना से आत्मा के नास्तित्व का दृष्टिकोण उपस्थित करते हुए जो कहा, वही इस श्‍लोक में है।

असंतो—तत्त्व की उत्पत्ति के विषय में दो प्रमुख विचारधाराएं हैं—सद्वाद और असद्वाद। असद्वादियों के अभिमत में आत्मा उत्पत्ति से पूर्व असत् होती है। कारण-सामग्री मिलने पर वह उत्पन्न होती है, नष्ट होती है, अवस्थित नहीं रहती—जन्म-जन्मान्तर को प्राप्त नहीं होती।

१९. (श्‍लोक १९)

आस्तिकों के अभिमत में सर्वथा असत् की उत्पत्ति होती ही नहीं। उत्पन्न वही होता है, जो पहले भी हो और पीछे भी हो। जो पहले भी नहीं होता, पीछे भी नहीं होता, वह बीच में भी नहीं होता। आत्मा जन्म से पहले भी होती है और मृत्यु के पश्‍चात् भी होती है, इसलिए वर्तमान शरीर में उसकी उत्पत्ति को असत् की उत्पत्ति नहीं कहा जा सकता।

नास्तिक लोग आत्मा को इसलिए असत् मानते हैं कि जन्म से पहले उसका कोई अस्तित्व नहीं होता और उसको अनवस्थित इसलिए मानते हैं कि मृत्यु के पश्‍चात् उसका अस्तित्व नहीं रहता। इसका कारण यह है कि आत्मा न तो शरीर में प्रवेश करते समय दीखती है और न उससे बिछुड़ते समय भी। पिता के इस प्रतिपादन का प्रतिवाद कुमारों ने इन शब्दों में किया—''आत्मा नहीं दीखती इतने मात्र से उसका नास्तित्व नहीं माना जा सकता। इन्द्रियों के द्वारा मूर्त-द्रव्य ही जाने जा सकते हैं। आत्मा अमूर्त है इसलिए वह इन्द्रियों के द्वारा ग्राह्य नहीं है।'' प्रस्तुत श्‍लोक में—आत्मा है, वह नित्य है, उसके कर्म का बन्ध होता है और बन्ध के कारण वह बार-बार जन्म का वरण करती है—आस्तिकता के आधारभूत इन चार तथ्यों का निरूपण है।

नो इंदिय—चूर्णि में 'नो-इंदिय' को एक शब्द माना है। इसलिए उसके अनुसार इसका अर्थ मन होता है और टीका में 'नो' और 'इन्द्रिय' को पृथक्-पृथक् माना है।

अज्झत्थ—अध्यात्म का अर्थ है 'आत्मा में होने वाला'। मिथ्यात्व आदि आत्मा के आन्तरिक दोष हैं। इसलिए उन्हें 'अध्यात्म' कहा जाता है। सूत्रकृतांग में क्रोध आदि को 'अध्यात्म-दोष' कहा है।

२०. अमोघा (अमोहाहिं)

अमोघ का शाब्दिक-अर्थ अव्यर्थ—अचूक है। किन्तु यहां अमोघा का प्रयोग रात्रि के अर्थ में किया गया है। महाभारत में इसका अर्थ दिन-रात किया है। चूर्णिकार ने एक प्रश्‍न खड़ा किया है—अमोघा का अर्थ रात ही क्यों? क्या कोई दिन में नहीं मरता? इसके समाधान में उन्होंने बताया है—यह लोक-प्रसिद्ध बात है कि मृत्यु को रात कहा जाता है, जैसे दिन की समाप्ति रात में होती है वैसे ही जीवन की समाप्ति मृत्यु में होती है। काल-प्रवाह के अर्थ में उत्तराध्ययन में रात्रि शब्द का प्रयोग अनेक स्थलों पर मिलता है। जहां रात होती है, वहां दिवस अवश्य होता है, इसलिए शान्त्याचार्य ने अमोघा से दिवस का भी ग्रहण किया है।

२१. (पच्छा, गमिस्सामो)

पच्छा—पश्‍चात् शब्द के द्वारा पुरोहित ने आश्रम-व्यवस्था की ओर पुत्रों का ध्यान खींचने का यत्‍न किया है। इसकी व्याख्या के शब्द सहसा कालिदास के इस श्‍लोक की याद दिला देते हैं—

शैशवेऽभ्यस्तविद्यानां, यौवने विषयैषिणाम्।

वार्धक्ये मुनिवृत्तीनां, योगेनान्ते तनुत्यजाम्।। (रघुवंश १।८)

पिता के कहने का अभिप्राय था कि हम लोग बुढ़ापे में मुनि बनेंगे।

गमिस्सामो—यह अनियत-वास का संकेत है। चूर्णिकार ने यहां गांव में एक रात और नगर में पांच रात रहने का उल्लेख किया है।

२२. भोग हमारे लिए अप्राप्त नहीं हैं—हम उन्हें अनेक बार प्राप्त कर चुके हैं (अणागयं नेव य अत्थि किंचि)

आत्मा को पुनर्भवि मानने वालों के लिए यह एक बहुत बड़ा तथ्य है। लोग कहते हैं—यह दीक्षित हो रहा है, इसने संसार में आकर क्या देखा है, क्या पाया है? इसे अभी घर में रहना चाहिए। इस बात का उत्तर कुमारों ने आत्मवाद के आधार पर दिया है। उन्होंने कहा—अनादि काल से संसार में परिभ्रमण करने वाली आत्मा के लिए अप्राप्त कुछ भी नहीं है, उसे सब कुछ प्राप्त हो चुका है। पदार्थ की प्राप्ति के लिए उसे घर में रहना आवश्यक नहीं है।

जहां मृत्यु न पहुंच पाए वैसा कोई स्थान नहीं है—यह इसका दूसरा अर्थ है।

२३. हे वाशिष्ठि! (वासिट्ठि! )

गोत्र से सम्बोधित करना गौरव सूचक समझा जाता था, इसलिए पुरोहित ने अपनी पत्‍नी को 'वाशिष्ठि' कह कर सम्बोधित किया। देखें—दसवेआलियं, ७।१७ का टिप्पण।

२४. सुसंस्कृत (सुसंभिया)

जो इन्द्रियों के विषय को संपादित करने वाली सारी सामग्री से युक्त होते हैं, सुसंस्कृत होते हैं, वे सुसंभृत कहलाते हैं। यह शब्द 'कामगुण' का विशेषण है।

२५. श्रृंगार रस (अग्गरसा...)

नौ रसों में श्रृंगार पहला रस है, इसलिए इसे अग्र्यरस कहा जा सकता है। वृत्ति में यह वैकल्पिक अर्थ के रूप में प्रस्तुत है।

चूर्णि में इसका अर्थ सुख और वृत्ति में मधुर आदि प्रधान रस किया है।

२६. मोक्ष-मार्ग (पहाणमग्गं)

प्रधान का अर्थ है—मोक्ष। चूर्णिकार ने इस पद के तीन अर्थ किए हैं—(१) ज्ञान, दर्शन और चारित्र (२) दसविध श्रमण धर्म (३) तीर्थंकरों का मार्ग। वृत्ति के अनुसार इसका अर्थ है—महापुरुषों द्वारा आसेवित प्रव्रज्यारूपी मुक्तिमार्ग।

'गमिस्सामुपहाणमग्गं'—में संधि-विच्छेद करने पर 'उपहाणमग्गं' पाठ होता है। इसका संस्कृत रूप होगा— 'उपधानमार्गं' और अर्थ होगा—तपस्या का मार्ग।

२७. हे भवति! (भोइ!)

महाराष्ट्र में यह शब्द पूज्य के अर्थ में प्रचलित है। चूर्णि और वृत्ति में इसको आमंत्रण-वचन मानकर भवति! रूप में प्रस्तुत किया है।

२८. धन, धान्य आदि (कुडुंबसारं)

कुटुम्ब के लिए वे ही सारभूत पदार्थ होते हैं जिनसे कुटुम्ब का भरण-पोषण होता है। हिरण्य, सुवर्ण, धन, धान्य आदि कुटुम्बसार माने जाते हैं। यह लाक्षणिक अर्थ की अभिव्यंजना है।

२९. बार-बार (अभिक्खं)

चूर्णि और वृत्ति में इसका अर्थ 'अभीक्ष्णं'—पुन:-पुन: किया है। 'कुडुम्बसारं विउलुत्तमं तं'—इस वाक्य का कोई क्रियापद नहीं है। इसलिए वृत्तिकार ने 'गेण्हंतं' पद का अध्याहार किया है। यदि 'अभिक्ख' पद का अभिकांक्षत् रूप माना जाए तो अध्याहार की आवश्यकता नहीं रहती। वर्णलोप के द्वारा यह सिद्ध हो सकता है।

३०. वह तुम्हें त्राण भी नहीं दे सकेगा (नेव ताणाय तं तव)

रानी कमलावती ने राजा से कहा—धन-धान्य या परिवार परलोक में त्राण नहीं दे सकता। चूर्णिकार ने यहां एक श्‍लोक उद्धृत किया है—

अत्थेण णंदराया ण ताइओ गोहणेण कुइअन्नो।

धन्नेण तिलयसेट्ठी पुत्तेहिं न ताइओ सगरो।।

३१. मरना होगा (मरिहिसि......)

'जातस्य ही धु्रवो मृत्यु:'—यह अटल सिद्धान्त है। जो जन्मता है, वह अवश्य ही मरता है, फिर चाहे कोई राजा हो या रंक, स्त्री हो या पुरुष। कहा भी है—

१. 'धुवं उड्ढं तणं कट्ठं, धुवभिन्नं मट्टियामयं भाणं।

जातस्य धुवं मरणं, तूरह हितमप्पणो काउं।।'

२. 'कश्‍चित् तावत् त्वया दृष्ट: श्रुतो वा शंकितोऽपिवा।

क्षितौ वा यदि वा स्वर्गे, यो जातो न मरिष्यति।।'

३२. एक धर्म ही त्राण है (एक्को हु.....)

'मरणसमं नत्थि भयं'—मरण के समान दूसरा कोई भय नहीं है। धर्म इस भय से त्राण दे सकता है।

महान् वैज्ञानिक आइंस्टीन को डॉक्टर ने कहा—एक ऑपरेशन और करना होगा। आइंस्टीन ने कहा—''मैं हठपूर्वक जीना नहीं चाहता। मुझे जितना समय जीना था जी लिया। जो काम करना था, कर लिया। अब मेरे मन में जीने की कोई आकांक्षा नहीं है।''

३३. (इहेह)

इसमें 'इह' शब्द का दुबारा प्रयेाग है—इह+इह=इहेह। यह दुबारा होने वाला प्रयोग सम्भ्रम का सूचक है।

३४. पिंजड़े (पंजरे.....)

तुलना—

उद्घाटिते नवद्वारे पञ्जरे विहगोऽनिल:।

यत्तिष्ठति तदाश्‍चर्यं, प्रयाणे विस्मय: कुत:।।

३५. सरल क्रियावाली (उज्जुकडा)

चूर्णि में इसका अर्थ—अमायी और वृत्ति में मायारहित अनुष्ठान दिया है। यही शब्द १५।१ में भी प्रयुक्त हुआ है। वहां चूर्णि के अनुसार इसका अर्थ है—जो व्यक्ति ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप से अपने भावों को ऋजु बना लेता है, वह ऋजुकृत कहलाता है। वृत्तिकार ने ऋजु के दो अर्थ किए हैं—संयम अथवा मायारहित अनुष्ठान।

३६. विषय-वासना से दूर (निरामिसा)

इस श्‍लोक में 'निर' के साथ और ४६ वें श्‍लोक में 'स' और 'निर' के साथ तथा स्वतंत्र रूप में और ४९ वें श्‍लोक में 'निर' के साथ—इस प्रकार आमिष शब्द का छह बार प्रयोग हुआ है। ४६ वें श्‍लोक के प्रथम दो चरणों में वह मांस के अर्थ में तथा शेष स्थानों में आसक्ति के हेतुभूत काम-भोग या धन के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है।

बौद्ध साहित्य में भी धन या भोग के अर्थ में आमिष शब्द का प्रयोग हुआ है। देखें—उत्तरज्झयणाणि, ८।५ का टिप्पण।

३७. (परिग्गहारंभनियत्तदोसा)

जो आरम्भ और परिग्रह के दोष से निवृत्त हो गई हो उस स्त्री का विशेषण 'परिग्रहारम्भदोषनिवृत्ता' होता है। शान्त्याचार्य ने वैकल्पिक रूप में 'परिग्रहारम्भनिवृत्ता' और 'अदोषा' ये दो विशेषण भी माने हैं।

३८. राग-द्वेष...... (रागद्दोस......)

'दावाग्‍नि लगी हुई है। अरण्य में जीव-जन्तु जल रहे हैं। उन्हें देख राग-द्वेष के वशीभूत होकर दूसरे जीव प्रमुदित हो रहे हैं।' प्रस्तुत प्रसंग में द्वेष शब्द की सार्थकता हो सकती है, पर राग शब्द की उपयोगिता क्या है? यह प्रश्‍न स्वाभाविक है। राग का अर्थ यदि मनोरंजन किया जाए तो प्रसंग की संगति बैठ सकती है। अथवा अपने प्रति राग और दूसरों के प्रति द्वेष अर्थ हो तो दोनों की सार्थकता हो सकती है।

सच्चाई यह है कि किसी के प्रति द्वेष होने का अर्थ है—किसी के प्रति राग है। राग मौलिक प्रवृत्ति है। द्वेष उसका एक स्फुलिंग है। इसलिए जहां द्वेष है वहां राग का होना नैसर्गिक है।

३९. वायु की तरह अप्रतिबद्ध विहार करते हैं (लहुभूयविहारिणो)

वायु की तरह विहार करने वाला अथवा संयमपूर्वक विहार करने वाला 'लघुभूतविहारी' कहलाता है। मिलाइए— दसवेआलियं ३।१०।

४०. स्वेच्छा से निवारण करने वाले (कामकमा)

जो अपनी स्वतंत्र इच्छा से इधर-उधर घूमते हैं वे कामक्रम कहलाते हैं। मुक्त पक्षी अपनी इच्छा के अनुसार सभी दिशाओं में उड़ने के लिए स्वतंत्र होते हैं। वे अप्रतिबद्ध होते हैं।

४१. पथ्य है (पत्थं)

इसके संस्कृत पर्याय चार होते हैं—पथ्य, प्रार्थ्य, पार्थ और प्रस्थ। प्रस्तुत प्रसंग में पथ्य और प्रार्थ्य—ये दोनों उचित लगते हैं।

४२. निर्विषय (निव्विसय)

विषय शब्द के दो अर्थ होते हैं—शब्द आदि विषय और देश। वृत्तिकार ने निर्विषय का मूल अर्थ शब्द आदि इन्द्रिय विषयों का त्याग और वैकल्पिक अर्थ देश-त्याग किया है। चूर्णि में पहला अर्थ ही मान्य है। प्रस्तुत प्रसंग में विपुल राज्य को छोड़ने के कारण निर्विषय का अर्थ—देश रहित ही होना चाहिए।

४३. घोर पराक्रम करने लगे (घोरपरक्कमा)

तप के अतिशय की ऋद्धि सात प्रकार की बतलाई गई है। उसका छट्ठा प्रकार 'घोर पराक्रम' है। ज्वर, सन्निपात आदि महाभयंकर रोगों के होने पर भी जो अनशन, काया-क्लेश आदि में मन्द नहीं होते और भयानक श्मशान, पहाड़ की गुफा आदि में रहने के अभ्यासी हैं वे 'घोर तप' हैं। ये ही जब तप और योग को उत्तरोत्तर बढ़ाते जाते हैं तब 'घोर पराक्रम' कहे जाते हैं। यह व्याख्या तत्त्वार्थ राजवार्तिक में प्राप्त होती है। पचासवें श्‍लोक के अन्तिम दो चरणों के अनुसार यह उपयुक्त प्रतीत होती है। 'तवं पगिज्झऽहक्खायं घोरं घोरपरक्कमा' इसमें घोरता की भावना निहित है और 'घोरपरक्कमा' उसी का अग्रिम रूप है। चूर्णि और टीका में इनका केवल शाब्दिक अर्थ मिलता है।

४४. (सासणे विगयमोहाणं, पुव्विं भावणभाविया)

इन ६ जीवों ने पूर्व में जैन शासन में दीक्षित होकर अनित्य, अशरण आदि भावनाओं के द्वारा अपनी आत्मा को भावित किया था। इन चरणों में उसी तथ्य की सूचना दी गई है।

♦

पन्द्रहवां अध्ययन : सभिक्षुक

15

पन्द्रहवां अध्ययन : सभिक्षुक

आमुख

इस अध्ययन में भिक्षु के लक्षणों का निरूपण है, इसलिए इसका नाम 'सभिक्खुयं'—'सभिक्षुक' रखा गया है।

भिक्षु अकेला होता है। उसके न कोई मित्र होता और न कोई शत्रु। वह सभी सम्बन्धों से विप्रमुक्त होता है। वह साधना करता है। वह अध्यात्म की कला को कभी जीविका-उपार्जन के लिए प्रयुक्त नहीं करता। वह सदा जितेन्द्रिय रहता है। (श्‍लोक १६)

जीवन भयाकुल है। उसके प्रत्येक चरण में भय ही भय है। भिक्षु अभय की साधना करता है। पहले-पहल वह भय को जीतने के लिए उपाश्रय में ही मध्य रात्रि में उठ कर अकेला ही कायोत्सर्ग करता है। दूसरी बार उपाश्रय से बाहर, तीसरी बार दूर चौराहे पर, चौथी बार शून्य-गृह में और अन्त में श्मशान में अकेला जा कायोत्सर्ग करता है। वह भय-मुक्त हो जाता है। अभय अहिंसा का परिपाक है। (श्‍लोक १४)

मुनि को प्रत्येक वस्तु याचित ही मिलती है। अयाचित कुछ भी नहीं मिलता। जो इच्छित वस्तु मिलने पर प्रसन्न और न मिलने पर अप्रसन्न नहीं होता वह भिक्षु है। भिक्षु के लिए सभी द्वार खुले हैं। कोई दाता देता है और कोई नहीं भी देता। इन दोनों स्थितियों में जो सम रहता है वह भिक्षु है। (श्‍लोक ११, १२)

मुनि सरस आहार मिलने पर उसकी प्रशंसा और नीरस मिलने पर उसकी गर्हा न करे। ऊंचे कुलों की भिक्षा करने के साथ-साथ प्रान्त कुलों से भी भिक्षा ले। भिक्षा में जो कुछ प्राप्त हो उसी में सन्तोष करने वाला भिक्षु होता है। (श्‍लोक १३)

मुनि अपनी आवश्यकता-पूर्ति के लिए हीन-भाव से किसी के आगे हाथ नहीं पसारता। वह याचना में भी अपने आत्म-गौरव को नहीं खोता। बड़े व्यक्तियों की न वह चापलूसी करता है और न छोटे व्यक्तियों का तिरस्कार, न वह धनवानों की श्‍लाघा करता है और न निर्धनों की निन्दा। सबके प्रति उसका बर्ताव सम होता है। (श्‍लोक ९)

दशवैकालिक का दसवां अध्ययन 'सभिक्खु' है। उसमें २१ श्‍लोक हैं। इस अध्ययन में १६ श्‍लोक हैं। उद्देश्य-साम्य होने पर भी दोनों के वर्णन में अन्तर है। कहीं-कहीं श्‍लोकों के पदों में शब्द-साम्य है। इस अध्ययन में प्रयुक्त भिक्षु के कई विशेषण नए हैं। इसके समग्र अध्ययन से भिक्षु को जीवन-यापन विधि का अथ से इति तक सम्यक् परिज्ञान हो जाता है।

इस अध्ययन में अनेक दार्शनिक तथा सामाजिक तथ्यों का संकलन हुआ है। आगम काल में कुछ श्रमण और ब्राह्मण मंत्र, चिकित्सा आदि का प्रयोग करते थे। भगवान् महावीर ने जैन मुनि के लिए ऐसा करने का निषेध किया है।

वमन, विरेचन और धूमनेत्र—ये चिकित्सा-प्रणाली के अंग हैं। आयुर्वेद में प्रचलित 'पंचकर्म' की प्रक्रिया में प्रथम दो का महत्त्वपूर्ण स्थान है और आज भी इस प्रक्रिया से चिकित्सा की जाती है। धूमनेत्र मस्तिष्क-सम्बन्धी रोगों का निवारण करने के लिए प्रयुक्त होता था। इसका उल्लेख दशवैकालिक ३।९ ओर सूत्रकृतांग २।४।६७ में भी हुआ है।

सातवें श्‍लोक में अनेक विद्याओं का उल्लेख हुआ है। आजीवक आदि श्रमण इन विद्याओं का प्रयोग कर अपनी आजीविका चलाते थे। इससे लोगों में आकर्षण और विकर्षण—दोनों होते थे। साधना भंग होती थी। भगवान् ने इस विद्या-प्रयोगों से आजीविका चलाने का निषेध किया है।

निर्युक्तिकार ने भिक्षु के लक्षण इस प्रकार बतलाए हैं—

भिक्षु वह है जो राग-द्वेष को जीत लेता है।

भिक्षु वह है जो मन, वचन और काया—इन तीनों दण्डों में सावधान रहता है।

भिक्षु वह है जो न सावद्य कार्य करता है, न दूसरों से करवाता है और न उसका अनुमोदन करता है।

भिक्षु वह है जो ऋद्धि, रस और साता का गौरव नहीं करता।

भिक्षु वह है जो मायावी नहीं होता, जो निदान नहीं करता और जो सम्यग्दर्शी होता है।

भिक्षु वह है जो विकथाओं से दूर रहता है।

भिक्षु वह है जो आहार, भय, मैथुन और परिग्रह—इन चार संज्ञाओं को जीत लेता है।

भिक्षु वह है जो कषायों पर विजय पा लेता है।

भिक्षु वह है जो प्रमाद से दूर रहता है।

भिक्षु वह है जो कर्म-बन्धन को तोड़ने के लिए सदा प्रयत्‍नशील रहता है।

जो ऐसा होता है वह समस्त ग्रन्थियों का छेदन कर अजर-अमर पद को पा लेता है।

पनरसमं अज्झयणं : सभिक्खुयं

पन्द्रहवां अध्ययन : सभिक्षुक

मूल

१. मोणं चरिस्सामि समिच्च धम्मं, सहिए उज्जुकडे नियाणछिन्ने।

संथवं जहिज्ज अकामकामे, अण्णायएसी परिव्वए जे स भिक्खू।।

हिन्‍दी अनुवाद

'धर्म को स्वीकार कर मुनि-व्रत का१ आचरण करूंगा—जो ऐसा संकल्प करता है, जो सहिष्णु है२, जिसका अनुष्ठान ऋजु है३, जो वासना के संकल्प का छेदन करता है४, जो परिचय का५ त्याग करता है, जो काम-भोगों की अभिलाषा को छोड़ चुका है६, जो तप आदि का परिचय दिए बिना भिक्षा की खोज करता है७, जो अप्रतिबद्ध विहार करता है—वह भिक्षु है।

२. राओवरयं चरेज्ज लाढे, विरए वेयवियायरक्खिए।

पण्णे अभिभूय सव्वदंसी, जे कम्हिचि न मुच्छिए स भिक्खू।।

जो राग से उपरत होकर विहार करता है८, जो निर्दोष आहार से जीवन-यापन करता है, जो विरत, आगम को जानने वाला और आत्म-रक्षक है९, जो प्रज्ञ है१०, जो परीषहों को जीतने वाला और सब जीवों को आत्म-तुल्य समझने वाला है११, जो किसी भी वस्तु में मूर्च्छित नहीं होता—वह भिक्षु है।

३. अक्कोसवहं विइत्तु धीरे, मुणी चरे लाढे निच्चमायगुत्ते।

अव्वग्गमणे असंपहिट्ठे, जे कसिणं अहियासए स भिक्खू।।

जो धीर मुनि कठोर वचन और ताड़ना को अपने कर्मों का फल जानकर शान्त भाव से विचरण करता है, जो प्रशस्त है, जो सदा आत्मा का संवरण किये रहता है१२, जिसका मन आकुलता और हर्ष से रहित होता है१३, जो सब कुछ सहन करता है—वह भिक्षु है।

४. पंतं सयणासणं भइत्ता, सीउण्हं विविहं च दंसमसगं।

अव्वग्गमणे असंपहिट्ठे, जे कसिणं अहियासए स भिक्खू।।

तुच्छ१४ शयन और आसन का सेवन करके तथा सर्दी, गर्मी, डांस और मच्छरों के त्रास को सहन करके भी जिसका मन आकुलता और हर्ष से रहित होता है, जो सब कुछ सहन करता है—वह भिक्षु है।

५. नो सक्कियमिच्छई न पूयं, नो वि य वंदणगं कुओ पसंसं।

से संजए सुव्वए तवस्सी, सहिए आयगवेसए स भिक्खू।।

जो सत्कार, पूजा और वन्दना की इच्छा नहीं करता वह प्रशंसा की इच्छा कैसे करेगा। जो संयत, सुव्रत, तपस्वी, दूसरे भिक्षुओं के साथ रहने वाला और आत्म-गवेषक है१५—वह भिक्षु है।

६. जेण पुण जहाइ जीवियं, मोहं वा कसिणं नियच्छई।

नरनारिं पजहे सया तवस्सी, न य कोऊहलं उवेइ स भिक्खू।।

जिसके संयोग मात्र से संयम-जीवन छूट जाये और समग्र मोह से बंध जाए वैसे स्त्री या पुरुष की संगति का जो त्याग करता है, जो सदा तपस्वी है, जो कुतूहल नहीं करता—वह भिक्षु है।

७. छिन्नं सरं भोमं अंतलिक्खं, सुमिणं लक्खणदंडवत्थुविज्जं।

अंगवियारं सरस्स विजयं, जो विज्जाहिं न जीवइ स भिक्खू।।

जो छिन्न (छिद्र-विद्या), स्वर (सप्त-स्वर विद्या), भौम, अन्तरिक्ष, स्वप्‍न, लक्षण, दण्ड, वास्तु-विद्या, अंग-विकार और स्वर-विज्ञान (पशु-पक्षी स्वर-विद्या)—इन विद्याओं के द्वारा आजीविका नहीं करता—वह भिक्षु है।१६

८. मंतं मूलं विविहं वेज्जचिंतं, वमणविरेयणधूमणेत्तसिणाणं।

आउरे सरणं तिगिच्छियं च, तं परिण्णाय परिव्वए स भिक्खू।।

मन्त्र१७, मूल, विविध प्रकार की आयुर्वेद सम्बन्धी चिन्ता, वमन, विरेचन, धूम्र-पान की नली१८, स्‍नान१९, आतुर होने पर स्वजन की शरण, चिकित्सा—इनका परित्याग कर जो परिव्रजन करता है—वह भिक्षु है।

९. खत्तियगणउग्गरायपुत्ता, माहणभोइय विविहा य सिप्पिणो।

नो तेसिं वयइ सिलोगपूयं, तं परिण्णाय परिव्वए स भिक्खू।।

क्षत्रिय, गण, उग्र, राजपुत्र, ब्राह्मण, भोगिक२० (सामन्त) और विविध प्रकार के शिल्पी जो होते हैं, उनकी श्‍लाघा और पूजा नहीं करता किन्तु उसे दोष-पूर्ण जान उसका परित्याग कर जो परिव्रजन करता है—वह भिक्षु है।

१०. गिहिणो जे पव्वइएण दिट्ठा, अप्पव्वइएण व संथुया हविज्जा।

तेसिं इहलोइयफलट्ठा, जो संथवं न करेइ स भिक्खू।।

दीक्षा लेने के पश्‍चात् जिन्हें देखा हो या उससे पहले जो परिचित हों उनके साथ इहलौकिक फल (वस्त्र-पात्र आदि) की प्राप्ति के लिए जो परिचय नहीं करता—वह भिक्षु है।

११. सयणासणपाणभोयणं, विविहं खाइमसाइमं परेसिं।

अदए पडिसेहिए नियंठे, जे तत्थ न पउस्सई स भिक्खू।।

शयन, आसन, पान, भोजन और विविध प्रकार के खाद्य-स्वाद्य गृहस्थ न दे तथा कारणविशेष से मांगने पर भी इन्कार हो जाए, उस स्थिति में जो प्रद्वेष न करे—वह भिक्षु है।

१२. जं किंचि आहारपाणं विविहं, खाइमसाइमं परेसिं लद्धुं।

जो तं तिविहेण नाणुकंपे, मणवयकायसुसंवुडे स भिक्खू।।

गृहस्थों के घर से जो कुछ आहार, पानक और विविध प्रकार के खाद्य-स्वाद्य प्राप्त कर जो गृहस्थ की मन, वचन और काया से अनुकम्पा नहीं करता—उन्हें आशीर्वाद नहीं देता, जो मन, वचन और काया से सुसंवृत होता है—वह भिक्षु है।

१३. आयामगं चेव जवोदणं च, सीयं च सोवीरजवोदगं च।

नो हीलए पिंडं नीरसं तु, पंतकुलाइं परिव्वए स भिक्खू।।

ओसामन, जौ का दलिया, ठण्डा-वासी आहार, कांजी का पानी२१, जौ का पानी जैसी नीरस भिक्षा की जो निन्दा नहीं करता, जो सामान्य घरों में भिक्षा के लिए जाता है—वह भिक्षु है।

१४. सद्दा विविहा भवंति लोए, दिव्वा माणुस्सगा तहा तिरिच्छा।

भीमा भयभेरवा उराला, जो सोच्चा न वहिज्जई स भिक्खू।।

लोक में देवता, मनुष्य और तिर्यञ्चों के अनेक प्रकार के रौद्र, अति भयंकर२२ और ऊंचे स्वर में२३ शब्द होते हैं, उन्हें सुनकर जो व्यथित नहीं होता—वह भिक्षु है।

१५. वादं विविहं समिच्च लोए, सहिए खेयाणुगए य कोवियप्पा।

पण्णे अभिभूय सव्वदंसी, उवसंते अविहेडए स भिक्खू।।

जो लोक में विविध प्रकार के वादों को जानता है, जो सहिष्णु है, जो संयमी है२४, जिसे आगम का परम अर्थ प्राप्त हुआ है२५, जो प्रज्ञ है, जो परीषहों को जीतने वाला और सब जीवों को आत्म-तुल्य समझने वाला है, जो उपशान्त और किसी को भी अपमानित न करने वाला२६ होता है—वह भिक्षु है।

१६. असिप्पजीवी अगिहे अमित्ते, जिइंदिए सव्वओ विप्पमुक्के।

अणुक्कसाई लहुअप्पभक्खी, चेच्चा गिहं एगचरे स भिक्खू।।

जो शिल्प-जीवी नहीं होता, जिसके घर नहीं होता, जिसके मित्र नहीं होते२७, जो जितेन्द्रिय और सब प्रकार के परिग्रह से मुक्त होता है, जिसका कषाय मन्द होता है२८, जो हलका और थोड़ा भोजन करता है, जो घर को छोड़ अकेला (राग-द्वेष से रहित हो) विचरता है—वह भिक्षु है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १५ : सभिक्षुक

१. मुनि-व्रत का (मोणं)

जो त्रिकालावस्थित जगत् को जानता है, उसे मुनि कहा जाता है। मुनि के भाव या कर्म को मौन कहा जाता है। मौन का बहु-प्रचलित अर्थ है—वचन-गुप्ति। किन्तु यहां इसका अर्थ—समग्र मुनि-धर्म है।

२. जो सहिष्णु है (सहिए)

यहां 'सहिए' शब्द का अर्थ है सहिष्णु। 'षह्' धातु मर्षण अर्थात् क्षमा के अर्थ में है। इस धातु का प्राकृत में क्त प्रत्ययांत रूप 'सहिय' बनता है। संस्कृत में 'इट्' होने पर 'सहित' और 'इट्' न होने पर 'सोढ' बनता है। सेतुबन्ध (१।५५) में 'सहिय' शब्द का प्रयोग इसी अर्थ में हुआ है।

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप से युक्त किया है। बृहद्वृत्तिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं— सम्यग्-दर्शन आदि से युक्त अथवा दूसरे साधुओं के साथ। उन्होंने इसका दूसरा संस्कृत रूप 'स्वहित' देकर उसका अर्थ—अपने लिए हितकर किया है।

आचार्य नेमिचन्द्र ने 'सहिए' का अर्थ—अन्य साधुओं से समेत—किया है। वे यहां एकल-विहार का प्रतिषेध बतलाते हैं। साधुओं को एकाकी विहार नहीं करना चाहिए—इस तथ्य की पुष्टि में वे एक गाथा प्रस्तुत करते हैं—

'एगागियस्स दोसा, इत्थी साणे तहेव पडिणीए।

भिक्खविसोहि महव्वय, तम्हा सेविज्ज दोगमणं।।'

अर्थात् एकाकी रहने से—

१. स्त्री-प्रसंग की संभावना रहती है।

२. कुत्ते आदि का भय रहता है।

३. शत्रु का भय रहता है।

४. भिक्षा की विशुद्धि नहीं रहती।

५. महाव्रतों के पालने में जागरूकता नहीं रहती।

अत: एकाकी न रह कर साथ में रहना चाहिए।

इसी अध्ययन के पांचवें श्‍लोक के चौथे चरण में 'सहित' शब्द प्रयुक्त है। वहां चूर्णिकार ने इसका अर्थ—ज्ञान आदि से सहित किया है और शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—

(१) सम्यग् ज्ञान और क्रिया से युक्त।

(२) भविष्य के लिए कल्याणकारी अनुष्ठान से युक्त।

पन्द्रहवें श्‍लोक में भी इसका प्रयोग हुआ है।

किन्तु इन व्याख्याओं में ज्ञान आदि का अध्याहार करने पर ही 'सहित' का अर्थ पूर्ण होता है। सहिष्णु—इस अर्थ में किसी दूसरे पद के अध्याहार की अपेक्षा नहीं होती।

३. जिसका अनुष्ठान ऋजु है (उज्जुकड)

इसका अर्थ है—संयम प्रधान या मायारहित अनुष्ठान। चूर्णि के अनुसार जो व्यक्ति ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप से अपने भावों को ऋजु—सरल बना लेता है, वह ऋजुकृत कहलाता है। वृत्तिकार ने ऋजु का अर्थ संयम तथा मायारहित किया है।

देखें—१४।४१ का टिप्पण।

४. जो वासना के संकल्प का छेदन करता है (नियाणछिन्ने)

निदान का अर्थ है—किसी व्रतानुष्ठान की फल-प्राप्ति के लिए मोहाविष्ट-संकल्प, जैसे—'मेरे साधुपन का यदि फल हो तो मैं देव बनूं, धनी बनूं आदि-आदि।' साधक के लिए ऐसा करना निषिद्ध है।

शान्त्याचार्य ने निदान के दो अर्थ किए हैं—विषयों की आसक्ति तथा प्राणातिपात आदि कर्म-बन्धन का कारण। उन्होंने संयुक्त पद 'नियाणछिन्न' का अर्थ 'अप्रमत्त-संयत' किया है।

५. परिचय का (संथवं)

इसके दो अर्थ हैं—स्तुति और परिचय। चूर्णिकार और टीकाकारों को यहां 'परिचय' अर्थ ही अभीष्ट है।

चूर्णिकार के अनुसार संस्तव दो प्रकार का है—संवास-संस्तव और वचन-संस्तव। असाधु व्यक्तियों के साथ रहना 'संवास-संस्तव' है और असाधु व्यक्तियों के साथ आलाप-संलाप करना 'वचन-संस्तव' है।

वृत्तिकार ने संस्तव के प्रकारांतर से दो भेद किए हैं— पूर्व-संस्तव और पश्‍चात् संस्तव।

पितृ-पक्ष का सम्बन्ध 'पूर्व-संस्तव' और ससुर-पक्ष, मित्र आदि का सम्बन्ध 'पश्‍चात् संस्तव' कहलाता है।

६. जो काम-भोगों की अभिलाषा को छोड़ चुका है (अकामकामे)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ 'मोक्ष की कामना करने वाला' किया है। शान्त्याचार्य के अनुसार काम दो प्रकार के होते हैं—इच्छाकाम और मदनकाम। जो इन दोनों की कामना नहीं करता, वह 'अकामकाम' है। विकल्प में उन्होंने चूर्णिकार का अनुसरण किया है।

७. जो तप आदि का परिचय...खोज करता है (अण्णायएसी)

दशवैकालिक १०।१६ में 'अन्नायउंछं' शब्द प्रयुक्त है। वहां अन्नाय—'अज्ञात' का अर्थ है—अज्ञातकुल। प्रस्तुत प्रकरण में 'अज्ञात' का अर्थ है—तप आदि का ज्ञान कराए बिना। अज्ञातैषी का अर्थ होता है—तप आदि का परिचय दिए बिना भिक्षा की खोज करने वाला। चूर्णिकार ने इसका अर्थ—किसी की निश्रा—आश्रय लिए बिना भिक्षा करने वाला किया है।

८. जो राग से उपरत होकर विहार करता है (राओवरयं चरेज्ज)

'राओवरयं' के संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—रागोपरतम् और रात्रि-उपरतम्। प्रथम रूप के अनुसार शांत्याचार्य ने इस वाक्य का अर्थ 'राग (मैथुन) से निवृत्त होकर विहरण करे' और दूसरे रूप के अनुसार 'रात्रि-भोजन से निवृत्त होकर विहरण करे' किया है।

चूर्णिकार ने 'रात्रि-उपरत' के अनुसार इसका अर्थ 'रात्रि में भोजन न करे, रात्रि में गमन आदि क्रियाएं न करे' किया है।

नेमिचन्द्र ने शान्त्याचार्य के प्रथम अर्थ का अनुसरण किया है। वह अधिक प्रासंगिक है।

९. आगम को जानने वाला और आत्म-रक्षक है (वेयवियायरक्खिए)

शांत्याचार्य ने मुख्य रूप से इन दो शब्दों को एक मान कर इसका अर्थ 'सिद्धांतों को जान कर उनके द्वारा आत्मा की रक्षा करने वाला' किया है और गौण रूप में इन दोनों शब्दों को अलग-अलग मान कर 'वेयविय' का अर्थ 'ज्ञानवान्' और 'आयरक्खिए' का अर्थ 'सम्यग्-दर्शन आदि के लाभ की रक्षा करने वाला' किया है।

१०. जो प्रज्ञ है (पण्णे)

चूर्णिकार ने प्राज्ञ (प्रज्ञ) का अर्थ—आय और उपाय की विधि को जानने वाला किया है। प्राज्ञ वह होता है जो आय—सम्यग् ज्ञान, दर्शन, चारित्र के लाभ तथा उत्सर्ग, अपवाद,द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव आदि की विधियों को जानने वाला हो। वृत्ति में इसका अर्थ—'हेय और उपादेय को जानने वाला' किया है।

११. जो परीषहों को.......आत्म-तुल्य समझने वाला है (अभिभूय सव्वदंसी)

चूर्णि में 'अभिभूय' का अर्थ—तिरस्कार कर तथा 'सर्वदर्शी' का अर्थ—सबको आत्मतुल्य समझने वाला—किया है। वृत्ति में 'अभिभूय' के दो अर्थ प्राप्त हैं—परीषहों तथा उपसर्गों को पराजित कर तथा राग-द्वेष का अभिभव कर। वृत्तिकार ने 'सव्वदंसी' के दो संस्कृत रूप देकर दो भिन्न-भिन्न अर्थ किए हैं—

१. सर्वदर्शी—प्राणीमात्र को आत्मवत् देखने वाला अथवा सर्व वस्तुजात को समदृष्टि से देखने वाला।

२. सर्वदंशी—सब कुछ खा जाने वाला, लेपमात्र भी नहीं छोड़ने वाला।

आचारांग में 'वीरेहिं एयं अभिभूय दिट्ठं' ऐसा पाठ है। यहां 'अभिभूय' शब्द विशेष अर्थ का द्योतक है। इसका अर्थ है—ज्ञान और दर्शन के आवरण को हटाकर। जो इन आवरणों से मुक्त होता है, वही सर्वदर्शी हो सकता है। यह प्रत्यक्ष ज्ञान की उपलब्धि का सोपान है।

१२. जो आत्मा का संवरण किए रहता है (आयगुत्ते)

शान्त्याचार्य ने इसका मुख्य अर्थ 'शारीरिक अवयवों को नियंत्रित रखने वाला' किया है और गौण रूप में 'आत्म-रक्षक' किया है। उन्होंने एक प्राचीन श्‍लोक को उद्धृत करते हुए आत्मा का अर्थ 'शरीर' किया है। नेमिचन्द्र ने 'आत्म-रक्षक' अर्थ मान्य किया है।

१३. जिसका मन आकुलता...से रहित होता है (अवग्गमणे)

मन की दो अवस्थाएं हैं—व्यग्र और एकाग्र। व्यग्र का अर्थ है—चंचल। अव्यग्र शब्द एकाग्र के अर्थ में प्रयुक्त है।

१४. तुच्छ (पंतं)

यह देशी शब्द है। प्रस्तुत प्रसंग में यह 'सयणासणं' का विशेषण है। इसका अर्थ है—तुच्छ, सामान्य। बंगला भाषा में इसका अर्थ है—बासी चावल।

१५. आत्म-गवेषक है (आयगवेसए)

शान्त्याचार्य ने 'आय' शब्द के तीन संस्कृत रूपों की कल्पना कर इस शब्द समूह के तीन अर्थ किए हैं—

१. आत्म-गवेषक-आत्मा के शुद्ध स्वरूप की गवेषणा करने वाला।

२. आय-गवेषक-सम्यग् दर्शन आदि की आय (लाभ) की गवेषणा करने वाला।

३. आयात-गवेषक-मोक्ष की गवेषणा करने वाला।

१६. (श्‍लोक ७)

इस श्‍लोक में दस विद्याओं का उल्लेख किया गया है। उनमें दण्ड-विद्या, वास्तु-विद्या और स्वर को छोड़ शेष सात विद्याएं निमित्त के अंग हैं। अंग, स्वर, लक्षण, व्यंजन, स्वप्‍न, छिन्न, भौम और अन्तरिक्ष—ये अष्टांग निमित्त हैं। प्रस्तुत श्‍लोक में व्यंजन का उल्लेख नहीं है।

वस्त्र, शस्त्र, काठ, आसन, शयन आदि में चूहे, शस्त्र, कांटे आदि से हुए छेद के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना छिन्न निमित्त है।

स्वरों को सुन कर शुभाशुभ का ज्ञान कर लेना स्वर-निमित्त है।

स्वर के तीन अर्थ किए जा सकते हैं—(१) सप्तस्वर-विद्या, (२) स्वरोदय के आधार पर शुभ-अशुभ फल का निर्देश करना और (३) अक्षरात्मक शब्द अथवा पशु-पक्षियों के अनक्षरात्मक शब्दों के आधार पर शुभ-अशुभ का निर्देश करना। तत्त्वार्थ-वार्तिक में स्वर का यह अर्थ उपलब्ध है।

भूकम्प आदि के द्वारा अथवा अकाल में होने वाले पुष्प-फल, स्थिर वस्तुओं के चलन एवं प्रतिमाओं के बोलने से, भूमि का स्‍निग्ध-रुक्ष आदि अवस्थाओं के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना अथवा भूमिगत धन आदि द्रव्यों का ज्ञान करना भौम-निमित्त है।

आकाश में होने वाले गन्धर्व-नगर, दिग्दाह, धूली की वृष्टि आदि के द्वारा अथवा ग्रहों के युद्ध तथा उदय-अस्त के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना अंतरिक्ष-निमित्त है।

स

स्‍वप्‍न के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना स्वप्‍न-निमित्त है।

शरीर के लक्षणों के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना लक्षण-निमित्त है।

शिर:-स्फुरण आदि के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना अंगविकार-निमित्त है।

यष्टि के विभिन्न रूपों के द्वारा शुभाशुभ का ज्ञान करना यष्टि-विद्या है।

प

प्रासाद आदि आवासों के शुभाशुभ लक्षणों का ज्ञान करना वास्तु-विद्या है।

षड्ज, ऋषभ आदि सात स्वरों के शुभाशुभ निरूपण का अभ्यास करना स्वर-विचय है।

चूर्णि में जो व्याख्या 'स्वर' की है, वह बृहद्वृत्ति में 'स्वर-विचय' की और जो 'स्वर-विचय' की है, वह 'स्वर' की है। निमित्त या विद्या के द्वारा भिक्षा प्राप्त करना 'उत्पादना' नामक एक दोष है, इसलिए कहा है विद्याओं के द्वारा जो जीवन नहीं चलाता, वह भिक्षु है।

१७. मंत्र (मंतं)

जो देवाधिष्ठित होता है, जिसके आदि में 'ओम्' और अन्त में 'स्वाहा' होता है, जो 'ह्रीं' आदि वर्ण-विन्यासात्मक होता है, उसे 'मंत्र' कहा जाता है।

१८. धूम्रपान की नली (धूमणेत्त)

चूर्णिकार ने धूमनेत्र को संयुक्त माना है।

टीकाकारों ने दोनों शब्दों को अलग-अलग मान कर अर्थ किया है। उनके अनुसार 'धूम' का अर्थ है—मन:शिलादि धूप से शरीर को धूपित करना और 'नेत्त' का अर्थ है—नेत्र-संस्कारक अंजन आदि से नेत्र आंजना। परन्तु यह अर्थ संगत नहीं लगता। यहां मूल शब्द है 'धूमणेत्त'। इसका अर्थ है—धूएं की नली से धुंआ लेना। विस्तार के लिए देखें— दसवेआलियं, ३।९ के 'धूवणेत्ति' का टिप्पण।

१९. स्‍नान (सिणाणं)

इसका अर्थ—पुत्र-प्राप्ति के लिए मंत्र-औषधि आदि से संस्कारित जल से स्‍नान करना किया गया है।

२०. (खत्तियगणउग्ग...भोइय)

खत्तिय—शान्त्याचार्य ने क्षत्रियों को 'हैहय' आदि वंशों में उत्पन्न माना है। पुराणों के अनुसार हैहय 'ऐलवंश' या 'चन्द्रवंश' की एक शाखा है। भगवान् ऋषभ ने मनुष्यों के चार वर्ग स्थापित किए थे—

१. उग्र—आरक्षक।

२. भोग—गुरुस्थानीय।

३. राजन्य—समवयस्क या मित्रस्थानीय।

४. क्षत्रिय—शेष सारी प्रजा।

इस व्यवस्था से लगता है कि कुछ लोगों को छोड़ कर अधिकांश क्षत्रिय ही थे। इसीलिए श्रमण-परम्परा में क्षत्रियों का महत्त्व रहा।

गण—भगवान् महावीर के काल में अनेक शक्तिशाली गणतंत्र थे। वज्जी-गणतंत्र में नौ लिच्छवि और नौ मल्लकी—ये काशी-कोशल के १८ गणराज्य सम्मिलित थे। शान्त्याचार्य ने मल्ल शब्द के द्वारा इसी गणराज्य की ओर संकेत किया है।

उग्ग—आरक्षक।

भोइय—भोगिक का अर्थ 'सामन्त' है। शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ 'राजमान्य प्रधानपुरुष' किया है। नेमिचन्द्र के अनुसार इसका अर्थ है—विशिष्ट वेशभूषा का भोग करने वाले अमात्य आदि।

२१. कांजी का पानी (सोवीर)

इसका अर्थ है—कांजी। गुजरात में चावल के मांड को कांजी और तमिल भाषा में उसे गंजी कहते हैं।

देखें—ठाणं ३/३७८ का टिप्पण।

२२. अति भयंकर (भयभेरवा)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ—निरन्तर संत्रास पैदा करने वाला किया है और शान्त्याचार्य ने 'अत्यन्त भय उत्पन्न करने वाला' किया है।

अध्ययन २१ (श्‍लोक १६) में भी 'भयभेरवा' का अर्थ भीषण-भीषणतम है। दशवैकालिक की वृत्ति में हरिभद्र सूरि ने इसका यही अर्थ किया है।

मज्झिम-निकाय में एक 'भय-भैरव' नाम का सुत्तन्त है। जम्बूद्वीपप्रज्ञप्ति की वृत्ति में आकस्मिक भय को 'भय' और सिंह आदि से उत्पन्न होने वाले भय को 'भैरव' कहा है।

२३. ऊंचे स्वर में (उराला)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है—सुन्दर, प्रधान, भयंकर, विशाल आदि। चूर्णि और वृत्ति में इसका अर्थ—महान् (शब्द) किया है।

२४. जो संयमी है (खेयाणुगए)

चूर्णिकार ने खेद का अर्थ 'विनय, वैयावृत्त्य, स्वाध्याय आदि प्रवृत्तियों में होने वाला कष्ट' किया है।

शान्त्याचार्य के अनुसार इसका अर्थ 'संयम' है। खेदानुगत अर्थात् जो संयमी है।

२५. जिसे आगम का परम अर्थ प्राप्त हुआ है (कोवियप्पा)

चूर्णिकार के अनुसार कोविदात्मा वह है जिसने सभी ज्ञातव्य तथ्यों का पारायण या अभ्यास कर लिया है।

वृत्तिकार के अनुसार इसका अर्थ है—वह व्यक्ति जिसने शास्त्र का परम अर्थ पा लिया है।

२६. किसी को भी अपमानित न करने वाला (अविहेडए)

चूर्णिकार के अनुसार जो वचन और काया से दूसरों का अपवाद नहीं करता वह 'अविहेटक' होता है।

शान्त्याचार्य ने 'अविहेटक' का अर्थ 'अबाधक' किया है। देखें—दसवेआलियं १०।१० का टिप्पण।

२७. जिसके मित्र नहीं होते (अमित्त)

यहां मित्र शब्द का प्रयोग आसक्ति के हेतुभूत वयस्क के अर्थ में हुआ है। मुनि को सबके साथ मैत्री रखनी चाहिए किन्तु राग-वृत्ति करने वाले को मित्र नहीं बनाना चाहिए, यही इसका हार्द है।

२८. जिसका कषाय मंद होता है (अणुक्कसाई)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—अणुकषायी और अनुत्कषायी।

चूर्णि में इसका अर्थ है—अल्पकषायी। वृत्तिकार ने मुख्य रूप से संज्वलन कषाययुक्त व्यक्ति को अणुकषायी माना है। इसका वैकल्पिक अर्थ है—जो उत्कषायी—प्रबल कषायी न हो वह अणुकषायी होता है।

♦

सोलहवां अध्ययन : ब्रह्मचर्य-समाधि-स्थान

16

सोलहवां अध्ययन : ब्रह्मचर्यसमाधि-स्थान

आमुख

ब्रह्मचर्य-समाधि का निरूपण होने के कारण इस अध्ययन का नाम 'बंभचेरसमाहिठाणं'—'ब्रह्मचर्य-समाधि-स्थान' है। इसमें ब्रह्मचर्य-समाधि के दस स्थानों का वर्णन है। स्थानाङ्ग और समवायाङ्ग में भी ब्रह्मचर्य की नौ गुप्तियों का वर्णन प्राप्त होता है। तुलनात्मक तालिका यों है—

स्थानाङ्ग तथा समवायाङ्ग में वर्णित नौ गुप्तियां

१. निर्ग्रंथ स्त्री, पशु और नपुंसक से संसक्त शयन और आसन का सेवन न करे।

२. केवल स्त्रियों के बीच कथा न कहे अर्थात् स्त्री-कथा न करे।

३. स्त्रियों के साथ एक आसन पर न बैठे।

४. स्त्रियों की मनोहर और मनोरम इन्द्रियों को न देखे और न अवधानपूर्वक उनका चिन्तन करे।

५. प्रणीत रसभोजी न हो।

६. मात्रा से अधिक न खाए और न पीए।

७. पूर्व-क्रीड़ाओं का स्मरण न करे।

८. शब्द, रूप, गन्ध, रस, स्पर्श तथा श्‍लोक—कीर्ति में आसक्त न हो।

९. साता और सुख में प्रतिबद्ध न हो।

उत्तराध्ययन के दस स्थान

१. निर्ग्रन्थ स्त्री, पशु और नपुंसक से आकीर्ण शयन और आसन का प्रयोग न करे।

२. स्त्रियों के बीच कथा न कहे।

३. स्त्रियों के साथ एक आसन पर न बैठे।

४. स्त्रियों की मनोहर और मनोरम इन्द्रियों को दृष्टि गड़ा कर न देखे।

५. स्त्रियों के कूजन, रोदन, गीत, हास्य, विलाप आदि के शब्द न सुने।

६. पूर्व-क्रीड़ाओं का अनुस्मरण न करे।

७. प्रणीत आहार न करे।

८. मात्रा से अधिक न खाए और न पीए।

९. विभूषा न करे।

१०. शब्द, रूप, गन्ध, रस और स्पर्श में आसक्त न हो।

उत्तराध्ययन में जो दसवां स्थान है, वह स्थानाङ्ग और समवायाङ्ग में आठवां स्थान है। अन्य स्थानों का वर्णन प्राय: समान है। केवल पांचवां स्थान स्थानाङ्ग तथा समवायाङ्ग में नहीं है।

प्रस्तुत अध्ययन में चक्षु-गृद्धि की भांति पांचवे स्थान में शब्द-गृद्धि का भी वर्जन किया गया है और दसवें स्थान में पांचों इन्द्रियों की आसक्ति का समवेत रूप से वर्जन किया गया है।

यहां दस समाधि स्थानों का वर्णन बहुत ही मनोवैज्ञानिक ढंग से हुआ है। शयन, आसन, काम-कथा, स्त्री-पुरुष का एक आसन पर बैठना, चक्षु-गृद्धि, शब्द-गृद्धि, पूर्व क्रीड़ा का स्मरण, सरस आहार, अतिमात्र आहार, विभूषा, इन्द्रिय-विषयों की आसक्ति—ये सब ब्रह्मचर्य की साधना में विघ्न हैं। इसलिए इनके निवारण को 'ब्रह्मचर्य-समाधि-स्थान' या 'ब्रह्मचर्य-गुप्ति' कहा गया है।

ब्रह्मचर्य का अर्थ वस्ति-निग्रह है। वह पांचों इन्द्रियों तथा मन के संयम के बिना प्राप्त नहीं होता। इसलिए उसका अर्थ 'सर्वेन्द्रिय-संयम' है। ये समाधि-स्थान इन्द्रिय-संयम के ही स्थान हैं :

स्पर्शन-इन्द्रिय—संयम के लिए सह-शयनासन और एक आसन पर बैठना वर्जित है।

रसन-इन्द्रिय—संयम के लिए सरस और अति-मात्रा में आहार करना वर्जित है।

घ्राण-इन्द्रिय—संयम के लिए कोई पृथक् विभाग निर्दिष्ट नहीं है।

चक्षु-इन्द्रिय—संयम के लिए स्त्री-देह व उसके हाव-भावों का निरीक्षण वर्जित है।

श्रोत्र-इन्द्रिय—संयम के लिए हास्य-विलास पूर्ण शब्दों का सुनना वर्जित है।

मानसिक—संयम के लिए काम-कथा, पूर्व-क्रीड़ा का स्मरण और विभूषा वर्जित है।

दसवां स्थान इन्द्रिय-संयम का संकलित रूप है।

मूलाचार में शील-विराधना (अब्रह्मचर्य) के दस कारण बतलाए गए हैं—

१. स्त्री-संसर्ग—स्त्रियों के साथ संसर्ग करना।

२. प्रणीत-रस-भोजन—अत्यन्त गृद्धि से पांचों इन्द्रियों के विकारों को बढ़ाने वाला आहार करना।

३. गंधमाल्य-संस्पर्श—सुगन्धित द्रव्यों तथा पुष्पों के द्वारा शरीर का संस्कार करना।

४. शयनासन—शयन और आसन में गृद्धि रखना।

५. भूषण—शरीर का मण्डन करना।

६. गीत-वाद्य—नाट्य, गीत आदि की अभिलाषा करना।

७. अर्थ-संप्रयोजन—स्वर्ण आदि का व्यवहरण।

८. कुशील-संसर्ग—कुशील व्यक्तियों का संसर्ग।

९. राज-सेवा—विषयों की पूर्ति के लिए राजा का गुण-कीर्तन करना।

१०. रात्रि-संचरण—बिना प्रयोजन रात्रि में इधर-उधर जाना।

दिगम्बर विद्वान् पण्डित आशाधरजी ने ब्रह्मचर्य के दस नियमों को निम्‍नांकित रूप में रखा है—

१. मा रूपादिरसं पिपास सुदृशाम्—ब्रह्मचारी रूप, रस, गन्ध, स्पर्श, शब्द के रसों को पान करने की इच्छा न करे।

२. मा वस्तिमोक्षं कृथा—वह ऐसा कार्य न करे, जिससे लिंग-विकार हो।

३. वृष्यं मा भज—वह कामोद्दीपक आहार न करे।

४. स्त्रीशयनादिकं च मा भज—स्त्री तथा शयन-आसन आदि का प्रयोग न करे।

५. वराङ्गेदृशं मा दा—स्त्रियों के अंगों को न देखे।

६. स्त्रीं मा सत्कुरु—स्त्रियों का सत्कार न करे।

७. मा च संस्कुरु—शरीर-संस्कार न करे।

८. रतं वृत्तं मा स्मर—पूर्व सेवित का स्मरण न करे।

९. वर्त्स्यन् मा इच्छ—भविष्य में क्रीड़ा करने का न सोचे।

१०. इष्टविषयान् मा जुषस्व—इष्ट रूपादि विषयों का सेवन न करे।

इनमें क्रमांक १, ३, ४, ५ और ७ तो वे ही हैं जो श्‍वेताम्बर आगमों में हैं, शेष भिन्न हैं।

वेद अथवा उपनिषदों में ब्रह्मचर्य की रक्षा के लिए श्रृंखलाबद्ध नियमों का उल्लेख नहीं मिलता। स्मृति में कहा है—स्मरण, प्रशंसा करना, क्रीड़ा, देखना, गुह्यभाषण, संकल्प, अध्यवसाय और क्रिया—इस प्रकार मैथुन आठ प्रकार के हैं। इन सबसे विलग हो ब्रह्मचर्य की रक्षा करनी चाहिए।

बौद्ध-साहित्य में भी ब्रह्मचर्य-गुप्तियों जैसा कोई व्यवस्थित क्रम नहीं मिलता, किन्तु विकीर्ण रूप में कुछ नियम मिलते हैं। वहां रूप के प्रति अति आसक्ति-भाव को दूर करने के लिए अशुचि भावना के चिन्तन का मंत्र मान्य रहा है। यह 'कायगता-स्मृति' के नाम से विख्यात है।

बुद्ध मृत्यु-शय्या पर थे तब शिष्यों ने पूछा—''भंते! स्त्रियों के साथ हम कैसा व्यवहार करेंगे?''

''अदर्शन, आनन्द!''

''दर्शन होने पर भगवन्! कैसा बर्ताव करेंगे?''

''अलाप न करना, आनन्द!''

''बातें करने वाले को कैसा करना चाहिए?''

''स्मृति को संभाल रखना चाहिए।''

उक्त अनेक परम्पराओं के संदर्भ में दस समाधि-स्थानों का अध्ययन बहुत महत्त्वपूर्ण है।

सोलसमं अज्झयणं : बम्चेरसमाहिठाणं

सोलहवां अध्ययन : ब्रह्मचर्यसमाधि-स्थान

मूल

१. सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं—इह खलु थेरेहिं भगवंतेहिं दस बंभचेरसमाहिठाणा पण्णत्ता, जे भिक्खू सोच्चा निसम्म संजमबहुले संवरबहुले समाहिबहुले गुत्ते गुत्तिंदिए गुत्तबंभयारी सया अप्पमत्ते विहरेज्जा।

हिन्‍दी अनुवाद

आयुष्मन्!१ मैंने सुना है, भगवान् (प्रज्ञापक आचार्य) ने ऐसा कहा है—निर्ग्रन्थ प्रवचन में जो स्थविर (गणधर)२ भगवान हुए हैं उन्होंने ब्रह्मचर्य-समाधि के दस स्थान३ बतलाए हैं, जिन्हें सुन कर, जिनके अर्थ का निश्‍चय कर, भिक्षु संयम, संवर और समाधि का४ पुन:-पुन: अभ्यास करे। मन, वाणी और शरीर का गोपन करे, इन्द्रियों को उनके विषयों से बचाए, ब्रह्मचर्य को नौ सुरक्षाओं से सुरक्षित रखे और सदा अप्रमत्त होकर विहार करे।

२. कयरे खलु ते थेरेहिं भगवंतेहिं दस बंभचेर-समाहिठाणा पण्णत्ता, जे भिक्खू सोच्चा निसम्म संजमबहुले संवरबहुले समाहिबहुले गुत्ते गुत्तिंदिए गुत्तबंभयारी सया अप्पमत्ते विहरेज्जा?

स्थविर भगवान् ने वे कौन से ब्रह्मचर्य-समाधि के दस स्थान बतलाए हैं, जिन्हें सुन कर, जिनके अर्थ का निश्‍चय कर, भिक्षु संयम, संवर और समाधि का पुन:-पुन: अभ्यास करे; मन, वाणी और शरीर का गोपन करे, इन्द्रियों को उनके विषयों से बचाए, ब्रह्मचर्य को नौ सुरक्षाओं से सुरक्षित रखे और सदा अप्रमत्त होकर विहार करे?

३. इमे खलु ते थेरेहिं भगवंतेहिं दस बंभचेर-समाहिठाणा पण्णत्ता, जे भिक्खू सोच्चा निसम्म संजमबहुले संवरबहुले समाहिबहुले गुत्ते गुत्तिंदिए गुत्तबंभयारी सया अप्पमत्ते विहरेज्जा, तं जहा—विवित्ताइं सयणासणाइं सेविज्जा, से निग्गंथे। नो इत्थीपसुपंडगसंसत्ताइं सयणासणाइं सेवित्ता हवइ, से निग्गंथे। तं कहमिति चे?

स्थविर भगवान् ने ब्रह्मचर्य-समाधि के दस स्थान ये बतलाए हैं, जिन्हें सुन कर, जिनके अर्थ का निश्‍चय कर, भिक्षु संयम, संवर और समाधि का पुन:-पुन: अभ्यास करे। मन, वाणी और शरीर का गोपन करे, इन्द्रियों को उनके विषयों से बचाए, ब्रह्मचर्य को नौ सुरक्षाओं से सुरक्षित रखे और सदा अप्रमत्त होकर विहार करे । वे इस प्रकार हैं—

जो एकांत शयन और आसन का सेवन करता है, वह निर्ग्रन्थ है। निर्ग्रन्थ स्त्री, पशु और नपुंसक से आकीर्ण शयन और आसन का सेवन नहीं करता। यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु इत्थीपसुपंडगसंसत्ताइं सयणासणाइं सेवमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा नो इत्थिपसुपंडगसंसत्ताइं सयणासणाइं सेवित्ता हवइ, से निग्गंथे।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—स्त्री, पशु और नपुंसक से आकीर्ण शयन और आसन का सेवन करने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए जो स्त्री, पशु और नपुंसक से आकीर्ण शयन और आसन का सेवन नहीं करता, वह निर्ग्रन्थ है।५

४. नो इत्थीणं कहं कहित्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो केवल स्त्रियों के बीच में कथा नहीं करता वह निर्ग्रन्थ है।६

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु इत्थीणं कहं कहेमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा नो इत्थीणं कहं कहेज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—केवल स्त्रियों के बीच कथा करने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए केवल स्त्रियों के बीच में कथा न करे।

५. नो इत्थीहिं सद्धिं सन्निसेज्जागए विहरित्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो स्त्रियों के साथ पीठ आदि एक आसन पर नहीं बैठता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु इत्थीहिं सद्धिं सन्निसेज्जागयस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा, समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गंथे इत्थीहिं सद्धिं सन्निसेज्जागए विहरेज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—स्त्रियों के साथ एक आसन पर बैठने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए स्त्रियों के साथ एक आसन पर न बैठे।

६. नो इत्थीणं इंदियाइं मणोहराइं मणोरमाइं आलोइत्ता, निज्झाइत्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो स्त्रियों की मनोहर और मनोरम इन्द्रियों को दृष्टि गड़ा कर नहीं देखता, उनके विषय में चिन्तन नहीं करता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु इत्थीणं इंदियाइं मणोहराइं मणोरमाइं आलोएमाणस्स निज्झायमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु निग्गंथे नो इत्थीणं इंदियाइं मणोहराइं मणोरमाइं आलोएज्जा, निज्झाएज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—स्त्रियों की मनोहर और मनोरम इन्द्रियों को दृष्टि गड़ा कर देखने वाले और उनके विषय में चिन्तन करने वाले७ ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए स्त्रियों की मनोहर और मनोरम इन्द्रियों को दृष्टि गड़ा कर न देखे और उनके विषय में चिन्तन न करे।

७. नो इत्थीणं कुड्डंतरंसि वा, दूसंतरंसि वा, भित्तंतरंसि वा, कुइयसद्दं वा, रुइयसद्दं वा, गीयसद्दं वा, हसियसद्दं वा, थणियसद्दं वा, कंदियसद्दं वा, विलवियसद्दं वा, सुणेत्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो मिट्टी की दीवार के अन्तर से, परदे के अन्तर से, पक्की दीवार के अन्तर से स्त्रियों के कूजन, रोदन, गीत, हास्य, गर्जन, आक्रन्दन या विलाप के शब्दों को नहीं सुनता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु इत्थीणं कुड्डंतरंसि वा, दूसंतरंसि वा, भित्तंतरंसि वा, कुइयसद्दं वा, रुइयसद्दं वा, गीयसद्दं वा, हसियसद्दं वा, थणियसद्दं वा, कंदियसद्दं वा, विलवियसद्दं वा, सुणेमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु निग्गंथे नो इत्थीणं कुड्डंतरंसि वा, दूसंतरंसि वा, भित्तंतरंसि वा, कुइयसद्दं वा, रुइयसद्दं वा, गीयसद्दं वा, हसियसद्दं वा, थणियसद्दं वा, कंदियसद्दं वा, विलवियसद्दं वा सुणेमाणे विहरेज्जा।'

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—मिट्टी की दीवार के अन्तर से, परदे के अन्तर से, पक्की दीवार के अन्तर से स्त्रियों के कूजन, रोदन, गीत, हास्य, गर्जन, आक्रन्दन या विलाप के शब्दों को सुनने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए मिट्टी की दीवार के अन्तर से, परदे के अन्तर से, पक्की दीवार८ के अन्तर से स्त्रियों के कूजन, रोदन, गीत, हास्य, गर्जन, आक्रन्दन या विलाप के शब्दों को न सुने।

८. नो निग्गंथे पुव्वरयं पुव्वकीलियं अणुसरित्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो गृहवास में की हुई रति और क्रीड़ा का अनुस्मरण नहीं करता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु पुव्वरयं पुव्वकीलियं अणु-सरमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गंथे पुव्वरयं पुव्वकीलियं अणुसरेज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—गृहवास में की हुई रति और क्रीड़ा का अनुस्मरण करने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए गृहवास में की हुई रति और क्रीड़ा का अनुस्मरण न करे।

९. नो पणीयं आहारं आहारित्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो प्रणीत९ आहार नहीं करता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु पणीयं पाणभोयणं आहारेमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गंथे पणीयं आहारं आहारेज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—प्रणीत पान-भोजन करने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए प्रणीत आहार न करे।

१०. नो अइमायाए पाणभोयणं आहारेत्ता हवइ, से निग्गंथे।

जो मात्रा से अधिक नहीं पीता और नहीं खाता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु अइमायाए पाणभोयणं आहा-रेमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गंथे अइमायाए पाणभोयणं भुंजिज्जा।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—मात्रा से अधिक पीने और खाने वाले ब्रह्मचारी निर्ग्रन्थ को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए मात्रा से अधिक न पीए और न खाए।

११. नो विभूसाणुवाई हवइ, से निग्गंथे।

जो विभूषा नहीं करता—शरीर को नहीं सजाता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—विभूसावत्तिए विभू-सियसरीरे इत्थिजणस्स अभि-लसणिज्जे हवइ। तओ णं तस्स इत्थिजणेणं अभिलसिज्जमाणस्स बंभयारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गंथे विभूसाणुवाई सिया।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—जिसका स्वभाव विभूषा करने का होता है, जो शरीर को विभूषित किए रहता है, उसे स्त्रियां चाहने लगती हैं। पश्‍चात् स्त्रियों के द्वारा चाहे जाने वाले ब्रह्मचारी को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए विभूषा न करे।

१२. नो सद्दरूवरसगंधफासाणुवाई हवइ, से निग्गंथे।

जो शब्द, रूप, रस, गन्ध और स्पर्श में आसक्त नहीं होता, वह निर्ग्रन्थ है।

तं कहमिति चे?

यह क्यों?

आयरियाह—निग्गंथस्स खलु सद्दरूवरसगंधफासाणुवाइस्स बंभ-यारिस्स बंभचेरे संका वा, कंखा वा, वितिगिच्छा वा समुप्पज्जिज्जा, भेयं वा लभेज्जा, उम्मायं वा पाउणिज्जा, दीहकालियं वा रोगायंकं हवेज्जा, केवलिपण्णत्ताओ वा धम्माओ भंसेज्जा। तम्हा खलु नो निग्गथे सद्दरूवरसगंधफासाणुवाई हविज्जा। दसमे बंभचेरसमाहिठाणे हवइ।

ऐसा पूछने पर आचार्य कहते हैं—शब्द, रूप, रस, गन्ध और स्पर्श में आसक्त होने वाले ब्रह्मचारी को ब्रह्मचर्य के विषय में शंका, कांक्षा या विचिकित्सा उत्पन्न होती है अथवा ब्रह्मचर्य का विनाश होता है अथवा उन्माद पैदा होता है अथवा दीर्घकालिक रोग और आतंक होता है अथवा वह केवली-कथित धर्म से भ्रष्ट हो जाता है, इसलिए शब्द, रूप, रस, गन्ध और स्पर्श में आसक्त न बने। ब्रह्मचर्य की समाधि का यह दसवां स्थान है।

भवंति इत्थ सिलोगा, तं जहा—

यहां श्‍लोक है, जैसे—

१. जं विवित्तमणाइण्णं, रहियं थीजणेण य।

बंभचेरस्स रक्खट्ठा, आलयं तु निसेवए।।

ब्रह्मचर्य की रक्षा के लिए मुनि वैसे आलय में रहे जो एकांत, अनाकीर्ण और स्त्रियों से रहित हो।

२. मणपल्हायजणणिं, कामरागविवड्ढणिं।

बंभचेररओ भिक्खू, थीकहं तु विवज्जए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु मन को आह्लाद देने वाली तथा काम-राग बढ़ाने वाली स्त्री-कथा का वर्जन करे।

३. समं च संथवं थीहिं, संकहं च अभिक्खणं।

बंभचेररओ भिक्खू, निच्चसो परिवज्जए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु स्त्रियों के साथ परिचय और बार-बार वार्तालाप का सदा वर्जन करे।

४. अंगपच्चंगसंठाणं, चारुल्लवियपेहियं।

बंभचेररओ थीणं, चक्खुगिज्झं विवज्जए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु स्त्रियों के चक्षु-ग्राह्य अंग-प्रत्यंग, आकार, बोलने की मनहर-मुद्रा और चितवन को न देखे—देखने का यत्‍न न करे।

५. कुइयं रुइयं गीयं, हसियं थणियकंदियं।

बंभचेररओ थीणं, सोयगिज्झं विवज्जए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु स्त्रियों के श्रोत्र-ग्राह्य कूजन, रोदन, गीत, हास्य, गर्जन और क्रन्दन को न सुने—सुनने का यत्‍न न करे।

६. हासं किड्डं रइं दप्पं, सहसावत्तासियाणि य।

बंभचेररओ थीणं, नाणुचिंते कयाइ वि।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु पूर्व-जीवन में स्त्रियों के साथ अनुभूत हास्य, क्रीड़ा, रति, अभिमान और आकस्मिक त्रास का कभी भी अनुचिंतन न करे।१०

७. पणीयं भत्तपाणं तु, खिप्पं मयविवड्ढणं।

बंभचेररओ भिक्खू, निच्चसो परिवज्जए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु शीघ्र ही काम-वासना को बढ़ाने वाले प्रणीत भक्त-पान का सदा वर्जन करे।

८. धम्मलद्धं मियं काले, जत्तत्थं पणिहाणवं।

नाइमत्तं तु भुंजेज्जा, बंभचेररओ सया।।

ब्रह्मचर्य-रत और स्वस्थ चित्त वाला भिक्षु जीवन निर्वाह के लिए उचित समय में निर्दोष, भिक्षा द्वारा प्राप्त,११ परिमित भोजन करे, किन्तु मात्रा से अधिक न खाए।

९. विभूसं परिवज्जेज्जा, सरीरपरिमंडणं।

बंभचेररओ भिक्खू, सिंगारत्थं न धारए।।

ब्रह्मचर्य में रत रहने वाला भिक्षु विभूषा का वर्जन करे और शरीर की शोभा बढ़ाने वाले केश, दाढ़ी आदि को श्रृंगार के लिए धारण न करे।

१०. सद्दे रूवे य गंधे य, रसे फासे तहेव य।

पंचविहे कामगुणे, निच्चसो परिवज्जए।।

शब्द, रूप, गन्ध, रस और स्पर्श—इन पांचों प्रकार के काम-गुणों का सदा वर्जन करे।

११. आलओ थीजणाइण्णो, थीकहा य मणोरमा।

संथवो चेव नारीणं, तासिं इंदियदरिसणं।।

१२. कुइयं रुइयं गीयं, हसियं भुत्तासियाणि य।

पणीयं भत्तपाणं च, अइमायं पाणभोयणं।।

१३. गत्तभूसणमिट्ठं च, कामभोगा य दुज्जया।

नरस्सत्तगवेसिस्स, विसं तालउडं जहा।।

(१) स्त्रियों से आकीर्ण आलय,

(२) मनोरम स्त्री-कथा,

(३) स्त्रियों का परिचय,

(४) उनके इन्द्रियों को देखना,

(५) उनके कूजन, रोदन, गीत और हास्य-युक्त शब्दों को सुनना,

(६) भुक्त-भोग और सहावस्थान को याद करना,

(७) प्रणीत पान-भोजन,

(८) मात्रा से अधिक पान-भोजन,

(९) शरीर को सजाने की इच्छा और

(१०) दुर्जय काम-भोग—ये दस आत्म-गवेषी मनुष्य के लिए तालपुट१२ विष के समान हैं।

१४. दुज्जए कामभोगे य, निच्चसो परिवज्जए।

संकट्ठाणाणि सव्वाणि, वज्जेज्जा पणिहाणवं।।

एकाग्रचित्त वाला मुनि दुर्जय काम-भोगों और ब्रह्मचर्य में शंका उत्पन्न करने वाले पूर्वोक्त सभी स्थानों का वर्जन करे।

१५. धम्मारामे चरे भिक्खू, धिइमं धम्मसारही।

धम्मारामरए दंते, बंभचेरसमाहिए।।

धैर्यवान्,१३ धर्म के रथ को चलाने वाला, धर्म के आराम में रत, दांत और ब्रह्मचर्य में चित्त का समाधान पाने वाला भिक्षु धर्म के आराम में विचरण करे।

१६. देवदाणवगंधव्वा, जक्खरक्खसकिन्नरा।

बंभयारिं नमंसंति, दुक्करं जे करंति तं।।

उस ब्रह्मचारी को देव, दानव, गन्धर्व, यक्ष, राक्षस और किन्नर—ये सभी नमस्कार करते हैं, जो दुष्कर ब्रह्मचर्य का पालन करता है।

१७. एस धम्मे धुवे निअए, सासए जिणदेसिए।

सिद्धा सिज्झंति चाणेण, सिज्झिस्संति तहापरे।।

यह ब्रह्मचर्य-धर्म ध्रुव, नित्य, शाश्‍वत१४ और अर्हत् के द्वारा उपदिष्ट है। इसका पालन कर अनेक जीव सिद्ध हुए हैं, हो रहे हैं और भविष्य में भी होंगे।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १६ : ब्रह्मचर्यसमाधि-स्थान

१. आयुष्मन्! (आउसं)

आयुष्मन् शब्द शिष्य के आमंत्रण के लिए बहु-प्रयुक्त है। प्रश्‍न होता है कि जाति, कुल आदि के आधार पर भी आमंत्रण शब्द प्रयुक्त हो सकता है, फिर आयुष्य के साथ ही उसका प्रयोग क्यों? चूर्णिकार का अभिमत है कि सभी आमंत्रणवाची शब्दों में आयुष्यवाची आमंत्रण ही गुरुतर है। जब आयुष्य होता है तभी जाति आदि अन्यान्य बातें होती हैं। आयुष्य के अभाव में उनका कोई मूल्य नहीं होता।

चूर्णिकार ने विभिन्न पृष्ठभूमियों में 'आयुष्मन्' शब्द की अर्थ-मीमांसा प्रस्तुत की है। वह इस प्रकार है—

१. हे आयुष्मन्!—सुधर्मा स्वामी अपने प्रमुख शिष्य जम्बू को सम्बोधित कर कहते हैं—'जैसा मैंने भगवान् महावीर के पास सुना है, वैसा मैं कहता हूं।' इससे शिष्य और आचार्य की व्यवस्था ज्ञापित होती है।

२. मैंने भगवान् के जीवनकाल में ऐसा सुना था—इससे बौद्धदर्शन सम्मत क्षणभंगुरवाद का निरसन होता है।

३. मैंने भगवान् के समीप रहते हुए ऐसा सुना है—इससे गुरुकुलवास में रहने की बात स्पष्ट होती है और यह ख्यापित होती है कि शिष्य को सदा गुरुकुलवास में रहना चाहिए—वसे गुरुकुले निच्चं।

४. मैंने गुरु (भगवान्) के चरणों की सेवा करते हुए ऐसा सुना है—तात्पर्य है कि मैंने ये बातें विनय से प्राप्त की हैं। इससे विनयमूल धर्म की बात स्पष्ट होती है।

चूर्णिकार ने भगवान् महावीर, सुधर्मा और जम्बू का जो उल्लेख किया है, वह विमर्शनीय है। इस अध्ययन का संबंध स्थविरों से है। इसलिए प्रज्ञापक आचार्य स्थविरों से श्रुत प्रज्ञप्ति का उल्लेख कर रहे हैं।

२. स्थविर (गणधर) (थेरेहिं)

प्राचीनकाल की गण-व्यवस्था में सात पदों में एक पद 'स्थविर' का होता था। सातों पदों के कार्य विभक्त थे। स्थविर का कार्य था—श्रामण्य में शिथिल हुए साधुओं को पुन: संयम में स्थिर करना। ये अनेक संपदाओं से युक्त होते थे। चूर्णिकार ने इसी ओर संकेत किया है।

शान्त्याचार्य ने स्थविर का अर्थ गणधर किया है।

अगस्त्यचूर्णि में दशवैकालिक (९।४।१) में प्रयुक्त 'स्थविर' शब्द का यही अर्थ है। गणधर के प्रमुख रूप से दो अर्थ होते हैं—(१) तीर्थंकर के प्रमुख शिष्य (२) अनुपम ज्ञान आदि के धारक। प्रस्तुत प्रकरण में गणधर का तात्पर्य गौतम आदि नौ गणधरों से नहीं है।

३. (दस बंभचेरसमाहिठाणा)

विशेष विमर्श के लिए देखें—इसी अध्ययन का आमुख।

४. (संजमबहुले संवरबहुले समाहिबहुले)

इनमें 'बहुल' शब्द उत्तर-पद में है, जब कि वह पूर्व-पद में होना चाहिए—बहुलसंजमे, बहुलसंवरे, बहुलसमाहि। वृत्तिकार ने इसका समाधान 'प्राकृतत्वात्' कह कर दिया है।

संयम, संवर और समाधि का अर्थ चूर्णि और वृत्तियों में भिन्न-भिन्न है—

चूर्णिबृहद्वृत्तिसुखबोधा
१. संयम—पृथ्वीकाय आदि का संयम।आश्रव-विरमण।संयम।
२. संवर—पांच महाव्रत।आश्रवद्वार-निरोध।इंद्रिय-संवरण।
३. समाधि—ज्ञान आदि।चित्त की स्वस्थतास्वस्थता

प्रस्तुत प्रसंग में संयम और संवर का सम्बन्ध इन्द्रियों के साथ है। इन्द्रियों का निग्रह करना संयम और उनका निरोध करना संवर है। समाधि का अर्थ है—चित्त की स्वस्थता अथवा एकाग्रता।

प्रस्तुत प्रसंग में संयम और संवर का सम्बन्ध इन्द्रियों के साथ है। इन्द्रियों का निग्रह करना संयम और उनका निरोध करना संवर है। समाधि का अर्थ है—चित्त की स्वस्थता अथवा एकाग्रता।

५. (सूत्र ३)

इस अध्ययन में ब्रह्मचर्य के साधनों का निरूपण किया गया है। साधन-शुद्धि के बिना साध्य की सिद्धि नहीं होती। जो ब्रह्मचारी साधनों के प्रति उपेक्षा भाव रखता है, उसका ब्रह्मचर्य नष्ट हो जाता है। उसके नाश की संभावनाएं इस प्रकार हैं—

(१) शंका (२) कांक्षा (३) विचिकित्सा (४) भेद (५) उन्माद (६) दीर्घकालीन रोग और आतंक (७) धर्म-भ्रंश।

(१) शंका—ब्रह्मचर्य का पालन करने में कोई लाभ है या नहीं? तीर्थंकरों ने अब्रह्मचर्य का निषेध किया है या नहीं? अब्रह्मचर्य के सेवन में जो दोष बतलाए गए हैं, वे यथार्थ हैं या नहीं—इस प्रकार अनेक संशय उत्पन्न होते हैं।

(२) कांक्षा—शंका के पश्‍चात् उत्पन्न होने वाली अब्रह्मचर्य की अभिलाषा।

(३) विचिकित्सा—चित्त-विव। जब अभिलाषा तीव्र हो जाती है तब मन समूचे धर्म के प्रति विद्रोह करने लग जाता है। धर्माचरण के प्रति अनेक सन्देह उठ खड़े होते हैं, इसी अवस्था का नाम विचिकित्सा है।

(४) भेद—जब विचिकित्सा का भाव पुष्ट हो जाता है तब चारित्र का भेद—विनाश होता है।

(५,६) उन्माद और दीर्घकालीन रोग और (आतंक)—कोई मनुष्य ब्रह्मचारी तभी रह सकता है जब वह ब्रह्मचर्य में अब्रह्मचर्य की अपेक्षा अधिक आनन्द माने। यदि कोई हठपूर्वक ब्रह्मचर्य का पालन करता है किन्तु इन्द्रिय और मन को आत्मवश रखने में आनन्द की अनुभूति नहीं कर पाता तो वह उन्माद या रोग और आतंक से अभिभूत हो जाता है।

(७) धर्म-भ्रंश—इन पूर्व अवस्थाओं से जो नहीं बच पाता वह धर्म से भ्रष्ट हो जाता है। इसलिए कहा गया है कि ब्रह्मचारी ब्रह्मचर्य के विघातक निमित्तों से बचे। मूलत: उसके मन में ब्रह्मचर्य के प्रति संदेह ही उत्पन्न नहीं होना चाहिए। उसके होने पर अगली अवस्थाओं से बचना कठिन हो जाता है। ये अवस्थाएं किसी व्यक्ति के एक-दो और किसी के अधिक भी हो जाती हैं।

मिलाइए—दशवैकालिक, ८।५१,५२।

६. केवल स्त्रियों के बीच में कथा न करे (नो इत्थीणं कहं)

चूर्णिकार के अनुसार इसका अर्थ है—स्त्री संबंधी कथा न करे। स्त्री कथा के चार प्रकार हैं।—

१. स्त्रियों की जाति विषयक कथा, जैसे—यह क्षत्रियाणी है, ब्राह्मणी है आदि।

२. स्त्रियों की कुल विषयक कथा, जैसे—यह उग्रकुल की है, द्रविड कुल की है, मराठाकुल की है।

३. स्त्रियों की रूप विषयक कथा।

४. स्त्रियों की नैपथ्य—वेशभूषा विषयक कथा, जैसे—अमुक देश की स्त्रियों की वेशभूषा सुन्दर है, असुन्दर है आदि।

वृत्तिकार ने इसके दो अर्थ किए हैं—केवल स्त्रियों में कथा न करे तथा स्त्रियों के जाति, कुल, रूप, संस्थान, नैपथ्य आदि की कथा न करे। इन्होंने रूप का अर्थ संस्थान किया है।

७. (आलोएमाणस्स निज्झायमाणस्स)

'आलोएमाण' के संस्कृत रूप दो किए जा सकते हैं—आलोकमान और आलोचमान। दोनों क्रियापदों का अर्थ है—देखता हुआ। 'निज्झायमाण' के भी संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—निर्ध्यायन् और निध्यायन्। निर्ध्यायन् का अर्थ है—चिन्तन करता हुआ और निध्यायन् का अर्थ है—देखता हुआ। आलोकन और निर्ध्यान की प्रक्रिया में अन्तर है। आलोकन का अर्थ है—चारों ओर से देखना अथवा एक बार दृष्टिपात करना। निर्ध्यान का अर्थ है—देखने के पश्‍चात् उसके विषय में चिन्तन करना।

८. मिट्टी की दीवार...पक्की दीवार (कुड्ड...भित्त)

शान्त्याचार्य ने 'कुड्य' का अर्थ खड़िया मिट्टी से बनी हुई भींत,नेमिचन्द्र ने पत्थरों से रचित भींत और चूर्णिकार ने पक्की ईंटों से बनी हुई भींत किया है।

शान्त्याचार्य और नेमिचन्द्र ने 'भित्ति' का अर्थ 'पक्की ईंटों से बनी भींत' और चूर्णिकार ने 'केतुक' आदि किया है।

शब्द-कोशों के निर्माण-काल में ये दोनों शब्द पर्यायवाची माने जाते रहे हैं।

लगता है कि 'भित्ति' 'कुड्य' का ही एक प्रकार है। उसके प्रकारों की चर्चा प्राचीन ग्रन्थों में प्राप्त होती है।

कुड्य का अर्थ है—भींत। वह अनेक प्रकार की होती थी। जैसे—

(१) लिपी हुई भींत।

(२) बिना लिपी हुई भींत।

(३) चेलिम कुड्य—वस्त्र की भींत या पर्दा।

(४) फलमय कुड्य—लकड़ी के तख्तों से बनी हुई भींत।

(५) फलकपासित कुड्य—जिसके केवल पार्श्‍व में तख्ते लगे हों और अन्दर गारे आदि का काम हो।

(६) मट्ठ—रगड़ कर चिकनी की हुई दीवार।

(७) चित्त—चित्र युक्त भित्ति।

(८) कडित—चटाई से बनी हुई दीवार।

(९) तणकुकृ-फूस से बनी हुई दीवार आदि-आदि।

९. प्रणीत (पणीयं)

जिससे घृत, तैल आदि की बूंदें टपकती हों अथवा जो धातु-वृद्धिकारक हो, उसे 'प्रणीत' आहार कहा जाता है।

मिलाइए—दशवैकालिक, ८।५६।

१०. (श्‍लोक ६)

प्रस्तुत श्‍लोक में श्रृंगार रस की कुछेक बातें कही गई हैं। वे कामशास्त्र की उपजीवी हैं। प्रयुक्त कुछेक शब्दों के अर्थ इस प्रकार हैं—

• रति— दयिता के सहवास से उत्पन्न प्रीति।

• दर्प—मनस्विनी नायिका के मान को खंडित करने के लिए उत्पन्न गर्व।

• सहसा अवत्रासित—पराङ्मुख दयिता को प्रसन्न करने के लिए आकस्मिक त्रास का उत्पन्न करना, जैसे—आंखमिचौनी करना, मर्मस्थानों का घट्टन करना आदि।

११. भिक्षा द्वारा प्राप्त (धम्मलद्धं)

वृत्तिकार ने इसके संस्कृत रूप दो किए हैं—धर्म्यलब्ध और धर्मलब्ध। धर्म्यलब्ध का अर्थ है—एषणा से प्राप्त और धर्मलब्ध का अर्थ है—अध्यात्म के उपदेश से प्राप्त, न कि टोटका, कुण्टल आदि से प्राप्त।

१२. तालपुट (तालउडं)

यह तीव्रतम विष है। यह ओष्ठपुट के भीतर जाते ही, ताली बजाने जितने अल्प समय में व्यक्ति को मार डालता है। यह सद्योघाती विष है।

देखें—दशवैकालिक ८।५६।

१३. (धिइमं)

धृत्ति का सामान्य अर्थ है—धैर्य। वृत्तिकार ने इसका अर्थ चित्त का स्वास्थ्य किया है। जिसका चित्त स्वस्थ होता है, वही धृतिमान् होता है।

१४. ध्रुव, नित्य, शाश्‍वत (धुवे निअए सासए)

इस श्‍लोक में प्रयुक्त इन तीन शब्दों का अर्थ-बोध इस प्रकार है—

१. ध्रुव—जो प्रमाणों से प्रतिष्ठित और पर-प्रवादियों से अखंडित।

२. नित्य—जो अप्रच्युत, अनुत्पन्न और स्थिर स्वभाववाला है, जो त्रिकालवर्ती होता है, वह नित्य है। यह द्रव्यार्थिक दृष्टिकोण है।

३. शाश्‍वत—जो निरंतर बना रहता है वह शश्‍वद् है। अथवा जो शश्‍वद् अन्यान्य रूप में उत्पन्न होता रहता है। यह पर्यायार्थिक दृष्टिकोण है।

वृत्तिकार का कथन है कि इन तीनों शब्दों को एकार्थक भी माना जा सकता है। यह इसलिए कि नाना देशों के शिष्यों पर अनुग्रह करने के लिए इन एकार्थवाचक भिन्न-भिन्न शब्दों का प्रयोग किया गया है।

♦

सतरहवां अध्ययन : पाप-श्रमणीय

17

सतरहवां अध्ययन : पाप-श्रमणीय

आमुख

इस अध्ययन में पाप-श्रमण के स्वरूप का निरूपण है, इसलिए इसे 'पावसमणिज्जं'—'पाप-श्रमणीय' कहा गया है।

श्रमण दो प्रकार के होते हैं—श्रेष्ठ-श्रमण और पाप-श्रमण। जो ज्ञान, दर्शन, चरित्र, तप और वीर्य—इन पांच आचारों का पालन करता है वह श्रेष्ठ-श्रमण है। उसके लक्षण पन्द्रहवें अध्ययन में बताए गए हैं। जो ज्ञान आदि आचारों का सम्यक् पालन नहीं करता, इस अध्ययन में वर्णित अकरणीय कार्यों का आचरण करता है, वह पाप-श्रमण होता है।

जो प्रव्रज्या ग्रहण कर सुख-शील हो जाता है—'सीहत्ताए णिक्खंतो सियालत्ताए विहरंति'—सिंह की भांति निष्क्रांत होने पर भी गीदड़ की तरह प्रव्रज्या का पालन करता है, वह पाप-श्रमण होता है। (श्‍लोक १)

जो खा-पीकर सो जाता है वह पाप-श्रमण होता है। जैन परम्परा में यह औत्सर्गिक मर्यादा रही है कि मुनि दिन में न सोए। इसके कई अपवाद भी हैं। जो मुनि विहार से परिश्रान्त हो गया हो, वृद्ध हो गया हो, रोगी हो, वह मुनि आचार्य से आज्ञा लेकर दिन में भी सो सकता है, अन्यथा नहीं।

आयुर्वेद के ग्रन्थों में सोने का विधान इस प्रकार है—नींद लेने का उपयुक्त काल रात है। यदि रात में पूरी नींद न आए तो प्रात:काल भोजन से पूर्व सोए। रात में जागने से रूक्षता और दिन में लेटकर नींद लेने से स्‍निग्धता पैदा होती है। परंतु दिन में बैठे-बैठे नींद लेना न रूक्षता पैदा करता है और न स्‍निग्धता। यह स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है।

जो मुनि आचार्य और उपाध्याय का प्रत्यनीक होता है, पापों से नहीं डरता, कलह की उदीरणा करता है, चंचल होता है, रस-गृद्ध होता है, तप:कर्म नहीं करता, गण और गणी को छोड़ देता है, वह पाप-श्रमण है।

इस अध्ययन में—

श्‍लोक १-४ में ज्ञान-आचार की निरपेक्षता का वर्णन है।

श्‍लोक ५ में दर्शन-आचार की निरपेक्षता का वर्णन है।

श्‍लोक ६-१४ में चरित्र-आचार की निरपेक्षता का वर्णन है।

श्‍लोक १५-१६ में तप:-आचार की निरपेक्षता का वर्णन है।

श्‍लोक १७-१९ में वीर्य-आचार की निरपेक्षता का वर्णन है।

सतरसमं अज्झयणं : पावसमणिज्जं

सतरहवां अध्ययन : पाप-श्रमणीय

मूल

१. जे के इमे पव्वइए नियंठे, धम्मं सुणित्ता विणओववन्ने।

सुदुल्लहं लहिउं बोहिलाभं, विहरेज्ज पच्छा य जहासुहं तु।।

हिन्‍दी अनुवाद

जो कोई निर्ग्रन्थ धर्म को सुन, दुर्लभतम बोधि-लाभ१ को प्राप्त कर विनय२ से युक्त हो प्रव्रजित होता है किन्तु प्रव्रजित होने के पश्‍चात् स्वच्छन्द-विहारी३ हो जाता है।

२. सेज्जा दढा पाउरणं मे अत्थि, उप्पज्जई भोत्तुं तहेव पाउं।

जाणामि जं वट्टइ आउसु! त्ति, किं नाम काहामि सुएण भंते!।।

(गुरु के द्वारा अध्ययन की प्रेरणा प्राप्त होने पर वह कहता है—) मुझे रहने को अच्छा उपाश्रय मिल रहा है, कपड़ा भी मेरे पास है, खाने-पीने को भी मिल जाता है। आयुष्मन्! जो हो रहा है, उसे मैं जान लेता हूं। भंते! फिर मैं श्रुत का अध्ययन कर क्या करूंगा?४

३. जे के इमे पव्वइए, निद्दासीले पगामसो।

भोच्चा पेच्चा सुहं सुवइ, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो प्रव्रजित होकर बार-बार नींद लेता है, खा-पी कर आराम से लेट जाता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

४. आयरियउवज्झाएहिं, सुयं विणयं च गाहिए।

ते चेव खिंसई बाले, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जिन आचार्य और उपाध्याय ने श्रुत और विनय सिखाया उन्हीं की निन्दा करता है,५ वह विवेक-विकल भिक्षु पाप-श्रमण कहलाता है।

५. आयरियउवज्झायाणं, सम्मं नो पडितप्पइ।

अप्पडिपूयए थद्धे, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो आचार्य और उपाध्याय के कार्यों की सम्यक् प्रकार से चिन्ता नहीं करता—उनकी सेवा नहीं करता, जो बड़ों का सम्मान नहीं करता, जो अभिमानी होता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

६. सम्मद्दमाणे पाणाणि, बीयाणि हरियाणि य।

असंजए संजयमन्नमाणे, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

द्वीन्द्रिय आदि प्राणी तथा बीज और हरियाली का मर्दन करने वाला, असंयमी होते हुए भी अपने आपको संयमी मानने वाला पाप-श्रमण कहलाता है।

७. संथारं फलगं पीढं, निसेज्जं पायकंबलं।

अप्पमज्जियमारुहइ, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो बिछौने, पाट, पीठ, आसन६ और पैर पोंछने के कम्बल का प्रमार्जन किए बिना७ (तथा देखे बिना) उन पर बैठता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

८. दवदवस्स चरई, पमत्ते य अभिक्खणं।

उल्लंघणे य चंडे य, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो द्रुतगति से चलता है८, जो बार-बार प्रमाद करता है, जो प्राणियों को लांघ कर९—उनके ऊपर होकर चला जाता है, जो क्रोधी है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

९. पडिलेहेइ पमत्ते, अवउज्झइ पायकंबलं।

पडिलेहणाअणाउत्ते, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो असावधानी से प्रतिलेखन करता है, जो पाद-कम्बल को जहां कहीं रख देता है, इस प्रकार जो प्रतिलेखना में असावधान होता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१०. पडिलेहेइ पमत्ते, से किंचि हु निसामिया।

गुरुपरिभावए निच्चं, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो कुछ भी बातचीत हो रही हो उसे सुनकर प्रतिलेखना में असावधानी करने लगता है, जो गुरु का तिरस्कार करता है१०—शिक्षा देने पर उनके सामने बोलने लगता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।११

११. बहुमाई पमुहरे, थद्धे लुद्धे अणिग्गहे।

असंविभागी अचियत्ते, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो बहुत कपटी, वाचाल, अभिमानी, लालची, इन्द्रिय और मन पर नियंत्रण न रखने वाला, भक्त-पान आदि का संविभाग न करने वाला१२ और गुरु आदि से प्रेम न रखने वाला होता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१२. विवादं च उदीरेइ, अहम्मे अत्तपण्णहा।

वुग्गहे कलहे रत्ते, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो शांत हुए विवाद को फिर से उभाड़ता है, जो सदाचार से शून्य होता है, जो (कुतर्क से) अपनी प्रज्ञा का हनन करता है,१३ जो कदाग्रह और कलह में१४ रक्त होता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१३. अथिरासणे कुक्कुईए, जत्थ तत्थ निसीयई।

आसणम्मि अणाउत्ते, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो स्थिरासन नहीं होता—बिना प्रयोजन इधर-उधर चक्कर लगाता है, जो हाथ, पैर आदि अवयवों को हिलाता रहता है, जो जहां कहीं बैठ जाता है१५—इस प्रकार आसन (या बैठने) के विषय में जो असावधान होता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१४. ससरक्खपाए सुवई, सेज्जं न पडिलेहइ।

संथारए अणाउत्ते, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो सचित्त रज से भरे हुए पैरों का प्रमार्जन किए बिना ही सो जाता है, सोने के स्थान का प्रतिलेखन नहीं करता—इस प्रकार बिछौने (या सोने) के विषय में जो असावधान होता है,१६ वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१५. दुद्धदहीविगईओ, आहारेइ अभिक्खणं।

अरए य तवोकम्मे, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो दूध, दही आदि विकृतियों का१७ बार-बार आहार करता है और तपस्या में रत नहीं रहता, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१६. अत्थंतम्मि य सूरम्मि, आहारेइ अभिक्खणं।

चोइओ पडिचोएइ, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो सूर्य के उदय से लेकर अस्त होने तक बार-बार१८ खाता रहता है, 'ऐसा नहीं करना चाहिए'—इस प्रकार सीख देने वाले को कहता है कि तुम उपदेश देने में कुशल हो, करने में नहीं, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१७. आयरियपरिच्चाई, परपासंडसेवए।

गाणंगणिए दुब्भूए, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो आचार्य को छोड़१९ दूसरे धर्म-सम्प्रदायों में२० चला जाता है, जो छह मास की अवधि में एक गण से दूसरे गण में संक्रमण करता है२१, जिसका आचरण निन्दनीय है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१८. सयं गेहं परिचज्ज, परगेहंसि वावडे।

निमित्तेण य ववहरई, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो अपना घर छोड़कर (प्रव्रजित होकर) दूसरों के घर में व्यापृत होता है२२—उनका कार्य करता है, जो शुभाशुभ बता कर धन का अर्जन करता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

१९. सण्णाइपिंडं जेमेइ, नेच्छई सामुदाणियं।

गिहिनिसेज्जं च वाहेइ, पावसमणि त्ति वुच्चई।।

जो अपने ज्ञाति-जनों के घर का भोजन करता है, किन्तु सामुदायिक भिक्षा२३ करना नहीं चाहता, जो गृहस्थ की शय्या पर बैठता है, वह पाप-श्रमण कहलाता है।

२०. एयारिसे पंचकुसीलसंवुडे, रूवंधरे मुणिपवराण हेट्ठिमे।

अयंसि लोए विसमेव गरहिए, न से इहं नेव परत्थ लोए।।

जो पूर्वोक्त आचरण करने वाला, पांच प्रकार के कुशील साधुओं२४ की तरह असंवृत, मुनि के वेश को धारण करने वाला और मुनि-प्रवरों की अपेक्षा तुच्छ संयम वाला होता है, वह इस लोक में विष की तरह निंदित होता है। वह न इस लोक में कुछ होता है और न परलोक में।

२१. जे वज्जए एए सया उ दोसे, से सुव्वए होइ मुणीण मज्झे।

अयंसि लोए अमयं व पूइए, आराहए दुहओ लोगमिणं।।

जो इन दोषों का सदा वर्जन करता है वह मुनियों में सुव्रत होता है। वह इस लोक में अमृत की तरह पूजित२५ होता है तथा इस लोक और परलोक—दोनों लोकों की आराधना करता है।२६

—ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १७ : पाप-श्रमणीय

१. बोधि-लाभ (बोहिलाभं)

प्रस्तुत प्रसंग में 'बोधि' का अर्थ है—(१) चेतना का जागरण, विशेष प्रकार की समझ और (२) धर्म अथवा तत्त्व। वृत्ति में इसका अर्थ—केवली प्रणीत धर्म किया है।

विशेष विवरण के लिए देखें—सूयगडो १।१।१ का टिप्पण।

२. विनय...(विणओ...)

विनय का सामान्य अर्थ नम्रता है। प्रस्तुत संदर्भ में यह शब्द ज्ञानविनय, दर्शनविनय, चारित्रविनय अथा उपचारविनय, (शिष्टाचार)—इस चतुर्विध विनय के अर्थ में प्रयुक्त हुआ है। विनय का एक अर्थ है—आचार। विशेष विवरण के लिए देखें—उत्तरज्झयणाणि के प्रथम अध्ययन का आमुख तथा पहले श्‍लोक का टिप्पण।

३. स्वच्छंद-विहारी (जहासुहं)

इसका शाब्दिक अर्थ है—जिन प्रवृत्तियों में स्वयं को सुख की अनुभूति हो वैसी प्रवृत्ति करना अर्थात् स्वच्छन्द विहारी बनना। प्रव्रजित होते समय व्यक्ति सिंहवृत्ति से प्रव्रजित होता है। फिर विकथा आदि में संलग्‍न होकर वह खिन्नता का अनुभव करता हुआ श्रृंगालवृत्ति वाला हो जाता है, शिथिल हो जाता है—'सीहत्ताए णिक्खंतो सीयालत्ताए विहरति।'

४. (किं नाम काहामि सुएण भंते!)

गुरु के द्वारा श्रुत की आराधना की प्रेरणा देने पर आलसी शिष्य कहता है—'भंते! श्रुत के अध्ययन से क्या? बहुश्रुत और अल्पश्रुत में कोई विशेष भेद नहीं होता। आप श्रुत की आराधना करते हैं, पर अतीन्द्रिय वस्तु को जानने में असमर्थ हैं। जो प्रत्यक्ष है उसे ही देख पाते हैं। हम भी वर्तमानग्राही हैं, जो प्रत्यक्ष है उसे जानते हैं। फिर हृदय, कंठ और तालु को सुखाने वाले अध्ययन से क्या प्रयोजन?'

५. निंदा करता है (खिंसई)

यह देशी धातु है। इसके दो अर्थ किए गए हैं—तिरस्कार करना, निन्दा करना।

६. आसन (निसेज्जं)

वृत्तिकार ने निषद्या का अर्थ स्वाध्याय भूमि आदि किया है। प्राचीनकाल में स्वाध्याय के लिए एकान्त स्थान का उपयोग किया जाता था, वह मुनियों का समाधिस्थल होता था, उसे निषद्या कहा जाता था। आजकल प्रचलित 'निसीहिआ' शब्द भी उसी का द्योतक है। किन्तु यहां निषद्या का अर्थ आसन ही प्रासंगिक है। संस्तार, फलक, पीठ, पाद कम्बल—इन पदों के साथ निषद्या का प्रयोग आसनवाची ही होना चाहिए। देखें—अध्ययन २ में निषद्या परिषह का टिप्पण।

७. प्रमार्जन किए बिना (तथा देखे बिना) (अप्पमज्जियं)

'प्रमार्जन' और 'प्रतिलेखन' ये दोनों सम्बन्धित कार्य हैं, इसलिए जहां प्रमार्जन का विधान हो वहां प्रतिलेखन का विधान स्वयं समझ लेना चाहिए।

८. (दवदवस्स चरई)

मिलाएं—दसवेआलियं, ५।१।१४।

९. प्राणियों को लांघ कर (उल्लंघणे)

वृत्तिकार ने इसका मुख्य अर्थ बालक आदि को लांघकर जाना किया है। वैकल्पिक रूप में उन्होंने बछड़ा, डिम्भ आदि का उल्लंघन करना भी किया है। दशवैकालिक में मुनि के लिए भेड़, बच्चा, कुत्ता और बछड़ा—इन चारों को लांघकर या हटाकर प्रवेश करने का निषेध है।

१०. जो गुरु का तिरस्कार करता है (गुरुपरिभावए)

जो गुरु के साथ विवाद करता है अथवा गुरु के द्वारा किसी कार्य के लिए प्रेरित किए जाने पर 'आप ही यह कार्य करें, आप ही ने तो हमें ऐसा सिखाया था और आज आप ही इसमें दोष निकालते हैं—अत: यह आपका ही दोष है, हमारा नहीं'—इस प्रकार असभ्य वचनों से जो उन्हें अपमानित करता है, उसे 'गुरुपरिभावक' कहा जाता है।

११. (श्‍लोक ९, १०)

देखें—उत्तरज्झयणाणि, २६।२९, ३०।

१२. भक्त-पान आदि का संविभाग न करने वाला (असंविभागी)

जो गुरु, ग्लान, बाल आदि साधुओं को उचित अशन-पान आदि देता है, वह 'संविभागी' होता है और जो केवल अपने आत्म पोषण का ही ध्यान रखता है, वह 'असंविभागी' होता है। देखें—दसवेआलियं, ९।२।२२।

१३. जो (कुतर्क से) अपनी प्रज्ञा का हनन करता है (अत्तपन्नहा)

शान्त्याचार्य ने इसके तीन संस्कृत रूप दिए हैं—(१) आत्मप्रश्‍नहा (२) आत्तप्रज्ञाहा (३) आप्तप्रज्ञाहा। जो आत्मा संबंधी प्रश्‍नों का वाचालता से हनन कर देता है, वह 'आत्मप्रश्‍नहा' कहलाता है। जो अपनी या दूसरों की बुद्धि का कुतर्कों के द्वारा हनन करता है, वह 'आत्तप्रज्ञाहा' अथवा 'आप्तप्रज्ञाहा' कहलाता है।

१४. जो कदाग्रह और कलह में (वुग्गहे कलहे)

चूर्णि की भाषा में सामान्य लड़ाई को 'विग्रह' और वाचिक लड़ाई को 'कलह' कहा जाता है।

बृहद्वृत्ति के शब्दों में दंड आदि की घात से जनित विरोध को 'व्युद्ग्रह' और वचन आदि से उत्पन्न विरोध को 'कलह' कहा जाता है।

१५. जो जहां कहीं बैठ जाता है (जत्थ तत्थ निसीयई)

इस श्‍लोक में आसन का विवेक है। 'जहां कहीं बैठ जाता है'—इसका आशय है कि सजीव और सरजस्क स्थान पर बैठ जाता है। उपयुक्त स्थान का विवेक दशवैकालिक में है।६ चूर्णिकार ने इसका संकेत भी दिया है।

१६. बिछौने (या सोने) के विषय में जो असावधान होता है (संथारए अणाउत्ते)

इसकी व्याख्या में शान्त्याचार्य ने ओघनिर्युक्ति की एक गाथा का उल्लेख किया है। देखें—उत्तरज्झयणाणि, २६।११ का टिप्पण।

१७. विकृतियों का (विगईओ)

विकृति और रस ये दोनों समान अर्थवाची हैं। यहां दूध, आदि को 'विकृति' कहा है और इसी आगम में अन्यत्र दूध, दही, घी आदि को 'रस' कहा है। विकृति के नौ प्रकार बतलाए गए हैं—

(१) दूध (२) दही (३) नवनीत (४) घृत (५) तैल (६) गुड (७) मधु (८) मद्य और (९) मांस।

स्थानांग में तैल, घृत, वसा (चर्बी) और नवनीत को स्‍नेह-विकृति भी कहा गया है।

इसी सूत्र में मधु, मद्य, मांस और नवनीत को महाविकृति भी कहा गया है।

दूध, दही आदि विकार बढ़ाने वाले हैं, इसलिए इनका नाम विकृति है।

विकृति खाने से मोह का उदय होता है। इसलिए बार-बार उन्हें नहीं खाना चाहिए। देखें—दसवेआलियं, चूलिका २।७।

मद्य और मांस ये दो विकृतियां तथा वसा—ये अभक्ष्य हैं। मधु और नवनीत को कुछ आचार्य अभक्ष्य मानते हैं और कुछ आचार्य विशेष स्थिति में उन्हें भक्ष्य भी मानते हैं। यहां उन्हीं विकृतियों के बार-बार खाने का निषेध किया गया है, जो भक्ष्य हैं।

चूर्णिकार ने 'विगति' शब्द के आधार पर इसका निर्वचन इस प्रकार किया है—'अशोभनं गतिं नयन्तीति विगतय:'—जो बुरी गति में ले जाती है, वह विगति है।

१८. बार-बार (अभिक्खणं)

अभीक्ष्ण का शब्दार्थ 'पुन:-पुन:' होता है। चूर्णि और वृत्ति में इसका भावार्थ प्रतिदिन किया गया है। पुन: पुन: आहार करता है अर्थात् प्रतिदिन आहार करता है। इसका मूल अर्थ 'बार-बार खाता है, सूर्योदय से सूर्यास्त तक खाता रहता है'—होना चाहिए। इसका सम्बन्ध 'एगभत्तं च भोयणं' (दशवैकालिक ६।२२) से होना चाहिए।

१९. आचार्य को छोड़ (आयरियपरिच्चाई)

आचार्य मुझे तपस्या में प्रेरित करते हैं तथा मेरे द्वारा आनीत आहार को बाल, ग्लान आदि साधुओं में वितरित कर देते हैं—इन या इन जैसे दूसरे कारणों से जो आचार्य को छोड़ देता है, वह...।

२०. दूसरे धर्म-संप्रदायों में (परपासंड)

वृतिकार ने 'परपासंड' का अर्थ सौगत आदि किया है।

विशेष विवरण के लिए देखें—उत्तरज्झयणाणि २३।१९ का टिप्पण।

२१. एक गण से दूसरे गण में संक्रमण करता है (गाणंगणिए)

भगवान् महावीर की यह व्यवस्था थी कि जो निर्ग्रन्थ जिस गण में दीक्षित हो, वह जीवन-पर्यन्त उसी में रहे। विशेष प्रयोजनवश (अध्ययन आदि के लिए) वह गुरु की आज्ञा से साधर्मिक गणों में जा सकता है। परन्तु दूसरे गण में संक्रमण करने के पश्‍चात् छह मास तक वह पुन: परिवर्तन नहीं कर सकता।६ छह मास के पश्‍चात् यदि वह परिवर्तन करना चाहे तो कर सकता है। जो मुनि विशेष कारण के बिना छह मास के भीतर ही परिवर्तन करता है उसे 'गाणंगणिक' कहते हैं।

२२. दूसरों के घर में व्यापृत होता है—उनका कार्य करता है (परगेहंसि वावडे)

चूर्णि में पर-गृह-व्यापार का अर्थ 'निमित्त आदि का व्यापार' किया गया है।

बृहद्वृत्तिकार ने इसका अर्थ 'जो मुनि आहारार्थी होकर गृहस्थों को आप्तभाव दिखा कर उनके कार्यों में व्यापृत होता है' किया है।

२३. सामुदायिक-भिक्षा (सामुदाणियं)

सामुदायिक-भिक्षा की व्याख्या का एक अंश दशवैकालिक ५।१।२५ में तथा दूसरा अंश इस श्‍लोक में मिलता है। उसके अनुसार ऊंच नीच सभी कुलों से भिक्षा लेना सामुदायिक-भिक्षा है। इसके अनुसार ज्ञात-अज्ञात सभी कुलों से भिक्षा लेना सामुदायिक-भिक्षा है।

शान्त्याचार्य ने 'सामुदायिक' के दो अर्थ किए हैं—

(१) अनेक घरों से लाई हुई भिक्षा।

(२) अज्ञात उंछ—अपरिचित घरों से लाई हुई भिक्षा।

२४. पांच प्रकार के कुशील साधुओं (पंचकुसीले)

जैन आगमों में पांच प्रकार के निर्ग्रन्थ बतलाए गए हैं—पुलाक, बकुश, कुशील, निर्ग्रन्थ और स्‍नातक।

मूल तथा उत्तर गुणों में दोष लगाने वाला मुनि कुशील निर्ग्रन्थ कहलाता है। इसके मुख्यत: दो प्रकार हैं—प्रतिसेवना कुशील और कषाय कुशील। दोनों के पांच-पांच प्रकार हैं—(१) ज्ञान कुशील (२) दर्शन कुशील (३) चारित्र कुशील (४) लिंग कुशील (५) यथासूक्ष्मकुशील। सूत्रकृतांग की चूर्णि में नौ प्रकार के कुशील बतलाए गए हैं—(१) पार्श्‍वस्थ (२) अवसन्न (३) कुशील (४) संसक्त (५) यथाछंद (६) काथिक (७) प्राश्‍निक (८) संप्रसारक (९) मामक।

प्रस्तुत प्रसंग में दोनों प्रकार के कुशील—प्रतिसेवना कुशील और कषाय कुशील निर्ग्रंथों का वर्णन है।

विशेष विवरण के लिए देखें—ठाणं ५/१८४ का टिप्पण।

२५. अमृत की तरह पूजित (अमयं व पूइए)

चूर्णि में अमृत का वर्णन इस प्रकार है—अमृत उत्कृष्ट वर्ण, गंध और रस से युक्त होता है। वह शरीर की कांति को बढ़ाता है, शक्ति का संवर्धन करता है तथा अवयवों को पुष्ट करता है। वह सौभाग्य का जनक, सभी रोगों का नाश करने वाला और अनेक गुणों से सम्पन्न होता है। वह कल्पवृक्ष के फल की भांति अमृतमय होता है।

२६. (श्‍लोक २०-२१)

इन दो श्‍लोकों में दो मार्ग उपदिष्ट हैं—एक कुव्रत का, दूसरा सुव्रत का।

पहला अधोगमन का मार्ग है। वह व्यक्ति के वर्तमान और भविष्य—दोनों को बिगाड़ता है। दूसरा ऊर्ध्वगमन का मार्ग है। वह व्यक्ति के वर्तमान और भविष्य—दोनों को सुधारता है।

किसी अरण्य में एक सन्यासी साधना कर रहा था। एक दिन कोई राजा उधर से निकला। उसके हाथ में मरा हुआ खरगोश था। जंगल में शिकार कर वापिस आते समय वह मार्ग भूल गया। उसने सामने एक तापस के आश्रम को देखा। मार्ग पूछने के लिए वह तापस की कुटिया में आया और बोला—महात्मन्! मैं भटक गया हूं। मुझे मार्ग बताएं। संन्यासी ने कहा—राजन्! मैं तो दो ही मार्ग जानता हूं—अहिंसा स्वर्ग का मार्ग है और हिंसा नरक का मार्ग है। तीसरा मार्ग मैं नहीं जानता। राजा ने सदा-सदा के लिए अहिंसा का मार्ग चुन लिया। यह सुव्रत का मार्ग है। साधना करने वाले व्यक्ति को भी सुव्रत का मार्ग चुनना है।

♦

अठारहवां अध्ययन : संजयीय

18

अठारहवां अध्ययन : संजयीय

आमुख

यह अध्ययन राजा संजय के वर्णन से समुत्पन्न है, इसलिए इसका नाम 'संजइज्जं''संजयीय' है।

कांपिल्य नगर में संजय नाम का एक राजा राज्य करता था। एक बार वह शिकार के लिए निकला। उसके साथ चारों प्रकार की सेनाएं थीं। वह केसर उद्यान में गया। वहां उसने संत्रस्त मृगों को मारा। इधर-उधर देखते उसकी दृष्टि गर्दभाली मुनि पर जा टिकी। वे ध्यानस्थ थे। उन्हें देख वह संभ्रान्त हो गया। उसने सोचामैंने यहां के मृगों को मार मुनि की आशातना की है। वह घोड़े से नीचे उतरा। मुनि के पास जा वन्दना कर बोला—''भगवन्! मुझे क्षमा करें।'' मुनि ध्यानलीन थे। वे कुछ नहीं बोले। राजा का भय बढ़ा। उसने सोचायदि मुनि क्रुद्ध हो गए तो वे अपने तेज से समूचे विश्‍व को नष्ट कर देंगे। उसने पुन: कहा—''भंते! मैं राजा संजय हूं। मौन तोड़ कर मुझे कुछ कहें।'' (श्‍लोक १-१०)

मुनि ध्यान संपन्न कर राजा को अभयदान देते हुए बोले—''राजन्! तुझे अभय है। तू भी अभयदाता बन। इस अनित्य जीव-लोक में तू क्यों हिंसा में आसक्त हो रहा है'' (श्‍लोक ११)। मुनि ने जीवन की अस्थिरता, ज्ञाति-सम्बन्धों की असारता, कर्म-परिणामों की निश्‍चितता का उपदेश दिया। राजा ने सुना। वैराग्य उभर आया। वह राज्य को त्याग कर मुनि गर्दभाली के पास श्रमण बन गया।

एक दिन एक क्षत्रिय मुनि संजय मुनि के पास आया और बोला—''तुम्हारा नाम क्या है? तुम्हारा गोत्र क्या है? किसलिए तुम माहन-मुनि बने हो? तुम किस प्रकार आचार्यों की सेवा करते हो और किस प्रकार विनीत कहलाते हो?'' (श्‍लोक २१)

मुनि संजय ने उत्तर दिया—''नाम से मैं संजय हूं। गोत्र मेरा गौतम है। गर्दभाली मेरे आचार्य हैं। मुक्ति के लिए मैं माहन बना हूं। आचार्य के उपदेशानुसार मैं सेवा करता हूं इसलिए मैं विनीत हूं।'' (श्‍लोक २२)

क्षत्रिय मुनि ने उनके उत्तर से आकृष्ट हो बिना पूछे ही कई तथ्य प्रकट किए और मुनि संजय को जैन प्रवचन में विशेष दृढ़ करने के लिए महापुरुषों के उदाहरण दिए तथा संयमपूर्ण जीवन बिताने का उपदेश दिया। संयमी कैसा होता है? उसे क्या करना होता है? तप का आचरण क्यों करना चाहिए? सुदुश्‍चर धर्म का आचरण कैसे किया जा सकता हैआदि प्रश्‍नों का समाधान दिया।

जब संजय राजर्षि ने अपना आयुष्य-काल जानने की जिज्ञासा रखी तब क्षत्रिय मुनि ने कहाराजर्षि! जैन प्रवचन में त्रिकालज्ञ तीर्थंकर की आराधना करने वाला मुनि साधना के द्वारा स्वयं त्रिकालज्ञ हो जाता है। मैं तुम्हारे आयुष्य-काल को जानता हूं और तुमने विशुद्ध प्रज्ञा से प्रश्‍न पूछा है, इसलिए वह तुमको बता देता हूं।

अध्ययन बहुत सूत्रात्मक शैली में लिखा गया है, इसलिए इसमें उक्त घटना का संकेत मिलता है। उसका पूरा विवरण उपलब्ध नहीं है। वृत्तिकार ने संकेत की भाषा को स्पष्ट करने का किञ्चित् प्रयत्‍न किया है। (श्‍लोक ३०,३१,३२)

क्षत्रिय मुनि ने राजर्षि संजय से दार्शनिक चर्चा भी की। भगवान् महावीर के समय में दर्शन की चार मुख्य धाराएं थींक्रियावाद, अक्रियावाद, विनयवाद और अज्ञानवाद।

उन्होंने इन चारों की जानकारी दी और निष्कर्ष की भाषा में क्रियावाद के प्रति रुचि के संवर्धन की प्रेरणा दी। प्रसंगवश उन्होंने अपने अनुभवों का उल्लेख कर पुनर्जन्म और आत्मा की स्थापना की। (श्‍लोक ३३)

इस अध्ययन से एक नवदीक्षित मुनि के स्थिरीकरण की प्रक्रिया सहज ही फलित होती है।

इस अध्ययन में भरत, सगर, मघवा, सनत्कुमार, शांति, अर, कुन्थु, महापद्म, हरिषेण, जय आदि दस चक्रवर्तियों और दशार्णभद्र, करकण्डु, द्विमुख, नमि, नग्गति, उद्रायण, काशीराज, विजय, महाबल आदि नौ नरेश्‍वरों का वर्णन है।

इसमें दशार्ण, कलिंग, पांचाल, विदेह, गान्धार, सौवीर, काशी आदि देशों का नामोल्लेख भी हुआ है। यह अध्ययन प्राग् ऐतिहासिक और ऐतिहासिक जैन शासन की परम्परा का संकलन-सूत्र जैसा है।

अट्ठारसमं अज्झयणं : संजइज्जं

अठारहवां अध्ययन : संजयीय

मूल

१. कंपिल्ले नयरे राया, उदिण्णबलवाहणे।

नामेणं संजए नाम, मिगव्वं उवणिग्गए।।

हिन्‍दी अनुवाद

कांपिल्य१ नगर में सेना और वाहनों से सम्पन्न संजय नाम का राजा था। एक दिन वह शिकार करने के लिए गया।

२. हयाणीए गयाणीए, रहाणीए तहेव य।

पायत्ताणीए महया, सव्वओ परिवारिए।।

वह महान् अश्‍वसेना, हस्तिसेना, रथसेना और पैदलसेना से चारों ओर से घिरा हुआ था।

३. मिए छुभित्ता हयगओ, कंपिल्लुज्जाणकेसरे।

भीए संते मिए तत्थ, वहेइ रसमुच्छिए।।

वह घोड़े पर चढ़ा हुआ था। सैनिक हिरणों को कांपिल्य नगर के केशर नामक उद्यान की ओर ढकेल रहे थे। वह रस-मूर्च्छित होकर उन डरे हुए और खिन्न बने हुए हिरणों को वहां व्यथित कर रहा था—मार रहा था।

४. अह केसरम्मि उज्जाणे, अणगारे तवोधणे।

सज्झायज्झाणजुत्ते, धम्मज्झाणं झियायई।।

उस केशर नाम उद्यान में स्वाध्याय और ध्यान में लीन रहने वाले एक तपोधन अनगार गर्दभाली२ धर्म्य-ध्यान में एकाग्र हो रहे थे।

५. अप्फोवमंडवम्मि, झायई झवियासवे।

तस्सागए मिए पासं, वहेई से नराहिवे।।

कर्म-बन्धन के हेतुओं को निर्मूल करने वाले अनगार लता-मण्डप३ में ध्यान कर रहे थे। राजा ने उनके समीप आए हुए हिरणों पर बाणों के प्रहार किए।

६. अह आसगओ राया, खिप्पमागम्म सो तहिं।

हए मिए उ पासित्ता, अणगारं तत्थ पासई।।

राजा अश्‍व पर आरूढ़ था। वह तुरन्त वहां आया। उसने पहले मरे हुए हिरणों को ही देखा, फिर उसने उसी स्थान में अनगार को देखा।

७. अह राया तत्थ संभंतो, अणगारो मणाहओ।

मए उ मंदपुण्णेणं, रसगिद्धेण घंतुणा।।

राजा अनगार को देख कर भयभ्रान्त हो गया। उसने सोचा—मैं भाग्यहीन, रस-लोलुप और जीवों को मारने वाला हूं। मैंने तुच्छ प्रयोजन के लिए मुनि को आहत किया है।

८. आसं विसज्जइत्ताणं, अणगारस्स सो निवो।

विणएण वंदए पाए, भगवं! एत्थ मे खमे।।

वह राजा घोड़े को छोड़ कर विनयपूर्वक अनगार के चरणों में वन्दना करता और कहता है—''भगवन्! इस कार्य के लिए मुझे क्षमा करें।''

९. अह मोणेण सो भगवं, अणगारे झाणमस्सिए।

रायाणं न पडिमंतेइ, तओ राया भयद्दुओ।।

वे अनगार भगवान् मौनपूर्वक ध्यान में लीन थे। उन्होंने राजा को प्रत्युत्तर नहीं दिया। उससे राजा और अधिक भयाकुल हो गया।

१०. संजओ अहमस्सीति, भगवं! वाहराहि मे।

कुद्धे तेएण अणगारे, डहेज्ज नरकोडिओ।।

राजा बोला—''हे भगवन्! मैं संजय हूं। आप मुझसे बातचीत कीजिए। अनगार कुपित होकर अपने तेज से४ करोड़ों मुनष्यों को जला डालता है।''

११. अभओ पत्थिवा! तुब्भं, अभयदाया भवाहि य।

अणिच्चे जीवलोगम्मि, किं हिंसाए पसज्जसि?।।

अनगार बोले—''पार्थिव! तुझे अभय है और तू भी अभयदाता बन। इस अनित्य जीव-लोक में तू क्यों हिंसा में आसक्त हो रहा है?''५

१२. जया सव्वं परिच्चज्ज, गंतव्वमवसस्स ते।

अणिच्चे जीवलोगम्मि, किं रज्जम्मि पसज्जसि?।।

''जबकि तू पराधीन है और इसलिए सब कुछ छोड़ कर तुझे चले जाना है तब इस अनित्य जीव-लोक में तू क्यों राज्य में आसक्त हो रहा है?''

१३. जीवियं चेव रूवं च, विज्जुसंपायचंचलं।

जत्थ तं मुज्झसी रायं, पेच्चत्थं नावबुज्झसे।।

''राजन्! तू जहां मोह कर रहा है वह जीवन और सौन्दर्य बिजली की चमक के समान चंचल है। तू परलोक के हित को क्यों नहीं समझ रहा है?''

१४. दाराणि य सुया चेव, मित्ता य तह बंधवा।

जीवंतमणुजीवंति, मयं नाणुव्वयंति य।।

''स्त्रियां, पुत्र, मित्र और बान्धव जीवित व्यक्ति के साथ जीते हैं किन्तु वे मृत के पीछे नहीं जाते।''

१५. नीहरंति मयं पुत्ता, पियरं परमदुक्खिया।

पियरो वि तहा पुत्ते, बंधू रायं! तवं चरे।।

''पुत्र अपने मृत पिता को परम दु:ख के साथ श्मशान ले जाते हैं और इसी प्रकार पिता भी अपने पुत्रों और बंधुओं को६ श्मशान में ले जाता है, इसलिए हे राजन्! तू तपश्‍चरण कर।''

१६. तओ तेणज्जिए दव्वे, दारे य परिरक्खिए।

कीलंतन्ने नरा रायं!, हट्ठतुट्ठमलंकिया।।

''राजन्! मृत्यु के पश्‍चात् उस मृत व्यक्ति के द्वारा अर्जित धन और सुरक्षित स्त्रियों को हृष्ट, तुष्ट७ और अलंकृत होकर दूसरे व्यक्ति भोगते हैं।''

१७. तेणावि जं कयं कम्मं, सुहं वा जइ वा दुहं।

कम्मुणा तेण संजुत्तो, गच्छई उ परं भवं।।

''उस मरने वाले व्यक्ति ने भी जो कर्म किया—सुखकर या दु:खकर—उसी के साथ वह परभव में चला जाता है।''

१८. सोऊण तस्स सो धम्मं, अणगारस्स अंतिए।

महया संवेगनिव्वेयं, समावन्नो नराहिवो।।

वह संजय राजा अनगार के समीप महान् आदर के साथ८ धर्म सुन कर मोक्ष का इच्छुक और संसार से उद्विग्‍न हो गया।

१९. संजओ चइउं रज्जं, निक्खंतो जिणसासणे।

गद्दभालिस्स भगवओ, अणगारस्स अंतिए।।

संजय राज्य छोड़ कर भगवान् गर्दभालि अनगार के समीप जिन-शासन में दीक्षित हो गया।

२०. चिच्चा रट्ठं पव्वइए, खत्तिए परिभासइ।

जहा ते दीसई रूवं, पसन्नं ते तहा मणो।।

जिसने राष्ट्र को९ छोड़ कर प्रव्रज्या ली, उस क्षत्रिय ने१० (अप्रतिबद्ध विहारी राजा संजय से) कहा—''तुम्हारी आकृति जैसे प्रसन्न दीख रही है वैसे ही तुम्हारा मन भी प्रसन्न दीख रहा है।''

२१. किंनामे? किंगोत्ते?, कस्सट्ठाए व माहणे?।

कहं पडियरसी बुद्धे?, कहं विणीए त्ति वुच्चसि?।।

''तुम्हारा क्या नाम है? गोत्र क्या है? किसलिए तुम माहन—मुनि बने हो? तुम किस प्रकार आचार्यों की सेवा करते हो और किस प्रकार विनीत कहलाते हो?''

२२. संजओ नाम नामेणं, तहा गोत्तेण गोयमे।

गद्दभाली ममायरिया, विज्जाचरणपारगा।।

''नाम से मैं संजय हूं। गोत्र से गौतम हूं। गर्दभालि मेरे आचार्य हैं—विद्या और चारित्र के पारगामी। मुक्ति के लिए मैं माहन बना हूं। आचार्य के उपदेशानुसार मैं सेवा करता हूं इसलिए मैं विनीत कहलाता हूं।''११

२३. किरियं अकिरियं विणयं, अण्णाणं च महामुणी!।

एएहिं चउहिं ठाणेहिं, मेयण्णे किं पभासई?।।

वे क्षत्रिय श्रमण बोले—''महामुने! क्रिया, अक्रिया, विनय और अज्ञान—इन चार स्थानों के द्वारा एकान्तवादी तत्त्ववेत्ता१२ क्या तत्त्व बतलाते हैं१३—

२४. इइ पाउकरे बुद्धे, नायए परिनिव्वुडे।

विज्जाचरणसंपन्ने, सच्चे सच्चपरक्कमे।।

''उसे तत्त्ववेत्ता ज्ञात-वंशीय, उपशांत, विद्या और चारित्र से सम्पन्न, सत्यवाक् और सत्य-पराक्रम वाले भगवान् महावीर ने प्रकट किया है।''

२५. पडंति नरए घोरे, जे नरा पावकारिणो।

दिव्वं च गइं गच्छंति, चरित्ता धम्ममारियं।।

''जो मनुष्य पाप करने वाले हैं वे घोर नरक में जाते हैं और आर्य-धर्म का आचरण कर मनुष्य दिव्य-गति को प्राप्त होते हैं।''

२६. मायावुइयमेयं तु, मुसाभासा निरत्थिया।

संजममाणो वि अहं, वसामि इरियामि य।।

''इन एकान्त-दृष्टि वाले क्रियावादी आदि वादियों ने जो कहा है, वह माया-पूर्ण है इसलिए वह मिथ्या-वचन है, निरर्थक है। मैं उन माया-पूर्ण एकान्तवादों से बच कर रहता हूं और चलता हूं।''१४

२७. सव्वे ते विइया मज्झं, मिच्छादिट्ठी अणारिया।

विज्जमाणे परे लोए, सम्मं जाणामि अप्पगं।।

''मैंने उन सब एकान्तदृष्टि वालों को जान लिया है। वे मिथ्या-दृष्टि और अनार्य हैं। मैं परलोक के अस्तित्व में आत्मा को भलीभांति जानता हूं।''

२८. अहमासी महापाणे, जुइमं वरिससओवमे।

जा सा पाली महापाली, दिव्वा वरिससओवमा।।

''मैं महाप्राण१५ नामक विमान में कान्तिमान देव था। मैंने वहां पूर्ण आयु का भोग किया।१६ जैसे यहां सौ वर्ष की आयु पूर्ण होती है, वैसे ही देवलोक में पल्योपम और सागरोपम की आयु पूर्ण मानी जाती है।''१७

२९. से चुए बंभलोगाओ, माणुस्सं भवमागए।

अप्पणो य परेसिं च, आउं जाणे जहा तहा।।

''वह मैं ब्रह्मलोक से च्युत होकर मनुष्य-लोक में आया हूं। मैं जिस प्रकार अपनी आयु को जानता हूं उसी प्रकार दूसरों की आयु को भी जानता हूं।''१८

३०. नाणा रुइं च छंदं च, परिवज्जेज्ज संजए।

अणट्ठा जे य सव्वत्था, इइ विज्जामणुसंचरे।।

''संयमी को नाना प्रकार की रुचि१९ अभिप्राय और जो सब प्रकार के अनर्थ२० हैं उनका वर्जन करना चाहिए—इस विद्या के पथ पर तुम्हारा संचरण हो।''—(क्षत्रिय मुनि ने राजर्षि से कहा)—

३१. पडिक्कमामि पसिणाणं, परमंतेहिं वा पुणो।

अहो उट्ठिए अहोरायं, इइ विज्जा तवं चरे।।

''मैं (शुभाशुभ सूचक) प्रश्‍नों और गृहस्थ-कार्य-संबंधी मंत्रणाओं से२१ दूर रहता हूं। अहो! मैं दिन-रात धर्माचरण के लिए सावधान रहता हूं—यह समझ कर२२ तुम तप का आचरण करो।''

३२. जं च मे पुच्छसी काले, सम्मं सुद्धेण चेयसा।

ताइं पाउकरे बुद्धे, तं नाणं जिणसासणे।।

''जो तुम मुझे सम्यक् शुद्ध-चित्त से आयु के विषय में पूछते हो, उसे सर्वज्ञ भगवान् ने प्रकट किया है, वह ज्ञान जिनशासन में विद्यमान है।''२३

३३. किरियं च रोयए धीरे, अकिरियं परिवज्जए।

दिट्ठीए दिट्ठिसंपन्ने, धम्मं चर सुदुच्चरं।।

''धीर-पुरुष को क्रियावाद पर रुचि करनी चाहिए और अक्रियावाद२४ को त्याग देना चाहिए। सम्यक्-दृष्टि के द्वारा दृष्टि-सम्पन्न होकर तुम सुदुश्‍चर धर्म का आचरण करो।

३४. एयं पुण्णपयं सोच्चा, अत्थधम्मोवसोहियं।

भरहो वि भारहं वासं, चेच्चा कामाइ पव्वए।।

अर्थ (मोक्ष) और धर्म से उपशोभित इस पवित्र उपदेश को सुनकर भरत चक्रवर्ती ने भारतवर्ष और कामभोगों को छोड़कर प्रव्रज्या ली।

३५. सगरो वि सागरंतं, भरहवासं नराहिवो।

इस्सरियं केवलं हिच्चा, दयाए परिनिव्वुडे।।

''सगर चक्रवर्ती सागर पर्यन्त२५ भारतवर्ष और पूर्ण ऐश्‍वर्य को छोड़ अहिंसा२६ की आराधना कर मुक्त हुए।''

३६. चइत्ता भारहं वासं, चक्कवट्टी महिड्ढिओ।

पव्वज्जमब्भुवगओ, मघवं नाम महाजसो।।

''महर्द्धिक और महान् यशस्वी मघवा चक्रवर्ती ने भारतवर्ष को छोड़कर प्रव्रज्या ली।''

३७. सणंकुमारो मणुस्सिंदो, चक्कवट्टी महिड्ढिओ।

पुत्तं रज्जे ठवित्ताणं, सो वि राया तवं चरे।।

''महर्द्धिक राजा सनत्कुमार चक्रवर्ती ने पुत्र को राज्य पर स्थापित कर तपश्‍चरण किया।''

३८. चइत्ता भारहं वासं, चक्कवट्टी महिड्ढिओ।

संती संतिकरे लोए, पत्तो गइमणुत्तरं।।

''महर्द्धिक और लोक में शान्ति करने वाले शान्तिनाथ चक्रवर्ती ने भारतवर्ष को छोड़कर अनुत्तर गति प्राप्त की।''

३९. इक्खागरायवसभो, कुंथू नाम नराहिवो।

विक्खायकित्ती धिइमं, मोक्खं गओ अणुत्तरं।।

''इक्ष्वाकु कुल के राजाओं में श्रेष्ठ, विख्यात कीर्ति वाले, धृतिमान् भगवान् कुन्थु नरेश्‍वर ने अनुत्तर मोक्ष प्राप्त किया।''

४०. सागरंतं जहित्ताणं, भरहं वासं नरीसरो।

अरो य अरयं पत्तो, पत्तो गइमणुत्तरं।।

''सागर पर्यन्त भारतवर्ष को छोड़कर, कर्मरज से मुक्त होकर 'अर' नरेश्‍वर ने अनुत्तर गति प्राप्त की।''

४१. चइत्ता भारहं वासं, चक्कवट्टी नराहिओ।

चइत्ता उत्तमे भोए, महापउमे तवं चरे।।

''विपुल राज्य, सेना और वाहन तथा उत्तम भोगों को छोड़कर महापद्म चक्रवर्ती ने तप का आचरण किया।''

४२. एगच्छत्तं पसाहित्ता, महिं माणनिसूरणो।

हरिसेणो मणुस्सिंदो, पत्तो गइमणुत्तरं।।

''(शत्रु-राजाओं का) मान-मर्दन करने वाले हरिषेण चक्रवर्ती ने पृथ्वी पर एक-छत्र शासन किया, फिर अनुत्तर गति प्राप्त की।''

४३. अन्निओ रायसहस्सेहिं, सुपरिच्चाई दमं चरे।

जयनामो जिणक्खायं, पत्तो गइमणुत्तरं।।

''जय चक्रवर्ती ने हजार राजाओं के साथ राज्य का परित्याग कर जिन-भाषित दम (संयम) का आचरण किया और अनुत्तर गति प्राप्त की।''

४४. दसण्णरज्जं मुइयं, चइत्ताणं मुणी चरे।

दसण्णभद्दो निक्खंतो, सक्खं सक्केण चोइओ।।

''साक्षात् शक्र के द्वारा प्रेरित दशार्णभद्र ने दशार्ण देश का प्रमुदित राज्य छोड़कर प्रव्रज्या ली और मुनि धर्म का आचरण किया।''

(नमी नमेइ अप्पाणं, सक्खं सक्केण चोइओ।

चइऊण गेहं वइदेही, सामण्णे पज्जुवट्ठिओ।।)

''(विदेह के अधिपति नमिराज ने, जो गृह को त्याग कर श्रामण्य में उपस्थित हुए और देवेन्द्र ने जिन्हें साक्षात् प्रेरित किया, आत्मा को नमा लिया—वे अत्यन्त नम्र बन गये।)''२७

४५. करकंडू कलिंगेसु, पंचालेसु स दुम्मुहो।

नमी राया विदेहेसु, गंधारेसु य नग्गई।।

''कलिंग में करकण्डु, पांचाल में द्विमुख, विदेह में नमि राजा और गान्धार में नग्गति२८—''

४६. एए नरिंदवसभा, निक्खंता जिणसासणे।

पुत्ते रज्जे ठवित्ताणं, सामण्णे पज्जुवट्ठिया।।

''राजाओं में वृषभ के समान ये अपने-अपने पुत्रों को राज्य पर स्थापित कर जिन-शासन में प्रव्रजित हुए और श्रमण-धर्म में सदा यत्‍नशील रहे।''

४७. सोवीररायवसभो, चेच्चा रज्जं मुणी चरे।

उद्दायणो पव्वइओ, पत्तो गइमणुत्तरं।।

''सौवीर राजाओं में वृषभ के समान उद्रायण राजा ने राज्य को छोड़कर प्रव्रज्या ली, मुनि-धर्म का आचरण किया और अनुत्तर गति प्राप्त की।''

४८. तहेव कासीराया, सेओ सच्चपरक्कमे।

कामभोगे परिच्चज्ज, पहणे कम्ममहावणं।।

''इसी प्रकार सत्य के लिए पराक्रम करने वाले काशीराज श्‍वेत२९ ने काम-भोगों का परित्याग कर कर्म-रूपी महावन का उन्मूलन किया।''

४९. तहेव विजओ राया, अणट्ठाकित्ति पव्वए।

रज्जं तु गुणसमिद्धं, पयहित्तु महाजसो।।

''इसी प्रकार विमल-कीर्ति, महायशस्वी विजय राजा ने गुण से समृद्ध राज्य को छोड़ कर जिन-शासन में प्रव्रज्या ली।''

५०. तहेवुग्गं तवं किच्चा, अव्वक्खित्तेण चेयसा।

महाबलो रायरिसी, अद्दाय सिरसा सिरं।।

''इसी प्रकार अनाकुल-चित्त से उग्र तपस्या कर राजर्षि महाबल ने अपना शिर देकर शिर (मोक्ष) को३० प्राप्त किया।''३१

५१. कहं धीरो अहेऊहिं, उम्मत्तो व्व महिं चरे?।

एए विसेसमादाय, सूरा दढपरक्कमा।।

''ये भरत आदि शूर और दृढ़ पराक्रम-शाली राजा दूसरे धर्म-शासनों से जैन-शासन में विशेषता पाकर यहीं प्रव्रजित हुए तो फिर धीर पुरुष एकान्त-दृष्टिमय अहेतुवादों के द्वारा३२ उन्मत्त की तरह कैसे पृथ्वी पर विचरण करे?''

५२. अच्चंतनियाणखमा, सच्चा मे भासिया वई।

अतरिंसु तरंतेगे, तरिस्संति अणागया।।

''मैंने यह अत्यन्त युक्तियुक्त३३ और सत्य बात कही है। इसके द्वारा कई जीवों ने संसार समुद्र का पार पाया है, पा रहे हैं और भविष्य में पाएंगे।''

५३. कहं धीरे अहेऊहिं, अत्ताणं परियावसे?।

सव्वसंगविनिम्मुक्के, सिद्धे हवइ नीरए।।

''धीर पुरुष एकान्त दृष्टिमय अहेतुवादों में अपने आपको कैसे लगाए? जो सब संगों से३४ मुक्त होता है वह कर्म-रहित होकर सिद्ध हो जाता है।''३५

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १८ : संजयीय

१. कांपिल्य (कंपिल्ले)

देखें—१३।२ का टिप्पण।

२. (अणगारे तवोधणे)

इस श्‍लोक (४) में केवल 'अनगार तपोधन' है। अनगार का नामोल्लेख नहीं हुआ है। किन्तु इसी प्रकरण में निर्युक्तिकार ने अनगार का नाम 'गद्दभालि'—गर्दभाली बताया है।

३. लता-मंडप (अप्फोव)

यह देशी शब्द है। चूर्णि और वृत्ति में इसका अर्थ है—वृक्ष आदि से आकीर्ण, विस्तृत, वृक्ष-गुच्छ-गुल्म-लता से आच्छन्न।

४. तेज से (तेएण)

तपस्या के प्रभाव से अनेक लब्धियां उत्पन्न होती हैं। उनमें एक है—तेजोलब्धि। इससे अनुग्रह और निग्रह—दोनों किए जा सकते हैं। निग्रह की अवस्था में अनेक प्रदेशों और प्राणियों को भस्मसात् किया जा सकता है।

५. (श्‍लोक ११)

प्रस्तुत श्‍लोक में अहिंसा के आधारभूत दो तत्त्व प्रतिपादित हैं—अभय और अनित्यता का बोध। भय हिंसा का मुख्य कारण है। भय की आशंका से ही मनुष्य ने शस्त्र आदि का निर्माण किया है। सबसे अधिक भय मृत्यु का होता है। जो किसी का प्राण हरण नहीं करता वह अभयदाता हो जाता है।

अनित्यता की विस्मृति मनुष्य को हिंसा की ओर ले जाती है। उसकी स्मृति अहिंसा की एक प्रबल प्रेरणा है।

६. अपने बन्धुओं को (बंधू)

यहां 'बंधू' शब्द प्रथमान्त बहुवचन है। 'बन्धून्' यह पद अध्याहार्य है। इसके आधार पर इसका अनुवाद होगा—बन्धु अपने बन्धुओं को श्मशान में ले जाते हैं।

७. हृष्ट-तुष्ट (हट्ठतुट्ठ)

बाहर से पुलकित होने को 'हृष्ट' और मानसिक प्रीति का अनुभव करने को 'तुष्ट' कहा जाता है।

८. महान् आदर के साथ (महया)

वृत्तिकार को यहां 'महया' शब्द के दोनों अर्थ अभिप्रेत हैं। इसका एक अर्थ होगा—महान् आदर के साथ। विभक्ति व्यत्यय द्वारा तृतीया के स्थान पर प्रथमा विभक्ति मान लेने पर इसका संस्कृत रूप महत् होता है। तब वह धर्म का विशेषण बनता है और इसका अर्थ होता है—महान् धर्म। 'महता' यह साधन बनता है।

९. राष्ट्र को (रट्ठं)

राष्ट्र का अर्थ 'ग्राम, नगर आदि का समुदाय' या 'मण्डल' है। प्राचीन काल में 'राष्ट्र' शब्द आज जितने व्यापक अर्थ में प्रयुक्त नहीं होता था। वर्तमान में राष्ट्र का अर्थ है—पूर्ण प्रभुसत्ता प्राप्त देश। प्राचीन काल में एक ही देश में अनेक राष्ट्र होते थे। उनकी तुलना आज के प्रमण्डलों या राज्य-सरकारों से की जा सकती है। मनुस्मृति में राष्ट्र का प्रयोग कुछ व्यापक अर्थ में भी हुआ लगता है।

१०. उस क्षत्रिय ने (खत्तिए)

यहां क्षत्रिय का नाम नहीं बताया गया है। परम्परा के अनुसार यह व्यक्ति पूर्वजन्म में वैमानिक देव था। वहां से च्युत होकर क्षत्रिय कुल में उत्पन्न हुआ। उचित बाह्य निमित्त मिलने पर विरक्त हुआ और राष्ट्र को छोड़ कर प्रव्रजित हो गया। वह जनपद विहार करता हुआ संजय मुनि से मिला और उसने अनेक जिज्ञासाएं कीं।

११. (श्‍लोक २१, २२)

यहां क्षत्रिय ने पांच प्रश्‍न पूछे—

(१) तुम्हारा नाम क्या है?

(२) तुम्हारा गोत्र क्या है?

(३) तुम माहन किसलिए बने हो?

(४) तुम आचार्यों की प्रतिचर्या कैसे करते हो?

(५) तुम विनीत कैसे कहलाते हो?

संजय मुनि ने इनके उत्तर में कहा—

(१) मेरा नाम संजय है।

(२) मेरा गोत्र गौतम है।

(३) मैं मुक्ति के लिए माहन बना हूं।

(४) मैं अपने आचार्य गर्दभालि के आदेशानुसार प्रतिचर्या करता हूं।

(५) मैं आचार्य के उपदेश का आसेवन करता हूं, इसलिए 'विनीत' कहलाता हूं।

२२वें श्‍लोक में नाम और गोत्र के उत्तर स्पष्ट शब्दों में हैं। शेष तीन उत्तर 'गद्दभाली ममायरिया, विज्जाचरणपारगा' इन दो चरणों में समाहित किए गए हैं।

१२. एकांतवादी तत्त्ववेत्ता (मेयन्ने)

मेय का अर्थ है—ज्ञेय। मेय को जानने वाला मेयज्ञ कहलाता है। क्षत्रिय मुनि ने एकान्त क्रियावादी, अक्रियावादी दार्शनिकों के सिद्धान्तों की चर्चा पर महावीर के अनेकान्तवादी दृष्टिकोण से संजय ऋषि को परिचित कराया।

१३. (श्‍लोक २३)

इस श्‍लोक में चार वादों—(१) क्रियावाद (२) अक्रियावाद (३) अज्ञानवाद (४) विनयवाद के विषय में राजर्षि से पूछा गया है। भगवान् महावीर के समसामयिक सभी वादों का यह वर्गीकरण है। सूत्र—तांग में इन्हें 'चार समवसरण' कहा गया है। इनके तीन सौ तिरसठ भेद होते हैं।

(१) क्रियावाद : क्रियावादी आत्मा का अस्तित्व मानते हैं किन्तु वह व्यापक है या अव्यापक, कर्त्ता है या अकर्त्ता, क्रियावान् है या अक्रियावान्, मूर्त्त है या अमूर्त्त—इसमें उन्हें विप्रतिपत्ति रहती है।

(२) अक्रियावाद : जो आत्मा के अस्तित्व को नहीं मानते वे अक्रियावादी हैं। दूसरे शब्दों में इन्हें नास्तिक भी कहा जा सकता है। कई अक्रियावादी आत्मा के अस्तित्व को स्वीकार करते हैं, परन्तु ''आत्मा का शरीर के साथ एकत्व है या अन्यत्व, यह नहीं कहा जा सकता''—ऐसा मानते हैं। कई अक्रियावादी आत्मा की उत्पत्ति के अनन्तर ही उसका प्रलय मानते हैं।

(३) अज्ञानवाद : जो अज्ञान से ही सिद्धि मानते हैं वे अज्ञानवादी हैं। इनकी मान्यता है कि कई जगत् को ब्रह्मादि विवर्त्तमय, कई प्रकृति-पुरुषात्मक, कई षड्द्रव्यात्मक, कई चतु:सत्यात्मक, कई विज्ञानमय, कई शून्यमय आदि-आदि मानते हैं। इसी प्रकार आत्मा भी नित्य, अनित्य आदि अनेक प्रकारों से जानी जाती है—इन सबके ज्ञान से क्या? यह ज्ञान स्वर्ग-प्राप्ति के लिए अनुपयुक्त है, अकिंचित्कर है आदि-आदि।

(४) विनयवाद : जो विनय से ही मुक्ति मानते हैं वे विनयवादी हैं। इनकी मान्यता है कि देव, दानव, राजा, तपस्वी, हाथी, घोड़ा, हरिण, गाय, भैंस, श्रृंगाल आदि को नमस्कार करने से क्लेश का नाश होता है। विनय से ही कल्याण होता है, अन्यथा नहीं।

क्रियावादियों के १८० भेद, अक्रियावादियों के ८४ भेद और अज्ञानियों के ६७ भेद मिलते हैं। वैनयिकों के ३२ भेद। इस प्रकार इन सबके ३६३ भेद होते हैं।

अकलंकदेव ने इन वादों के आचार्यों का भी नामोल्लेख किया है—

कोक्कल, कांठेविद्धि, कौशिक, हरि, श्मश्रुमान, कपिल, रोमश, हारित, अश्‍व, मुण्ड, आश्‍वलायन आदि १८० क्रियावाद के आचार्य व उनके अभिमत हैं।

मरीचि, कुमार, उलूक, कपिल, गार्ग्य, व्याघ्रभूति, वाद्वलि, माठर, मौद्गल्यायन आदि ८४ अक्रियावाद के आचार्य व उनके अभिमत हैं।

साकल्य, वाष्कल, कुथुमि, सात्यमुग्रि, चारायण, काठ, माध्यन्दिनी मौद, पैप्पलाद, बादरायण, स्विष्ठिकृत, ऐतिकायन, वसु, जैमिनी आदि ६७ अज्ञानवाद के आचार्य व उनके अभिमत हैं।

वशिष्ठ, पाराशर, जतुकर्ण, वाल्मीकि, रोमहर्षिणि, सत्यदत्त, व्यास, एलापुत्र, औपमन्यव, इन्द्रदत्त, अयस्थूल आदि ३२ विनयवाद के आचार्य व उनके अभिमत हैं।

इस संसार में भिन्न-भिन्न रुचि वाले लोग हैं। कई क्रियावाद में विश्‍वास करते हैं और कई अक्रियावाद में। राजर्षि ने कहा—धीर पुरुष क्रियावाद में रुचि रखे और अक्रियावाद का वर्जन करे।

जैन दर्शन क्रियावादी है पर एकांतदृष्टि नहीं है, इसलिए वह सम्यग्वाद है। जिसे आत्मा आदि तत्त्वों में विश्‍वास होता है, वही क्रियावाद (अस्तित्ववाद) का निरूपण कर सकता है।

देखें—२४वां टिप्पण।

१४. (श्‍लोक २६)

क्षत्रिय श्रमण ने कहा—मैं उन मायापूर्ण एकांतवादों से बचकर रहता हूं और चलता हूं। वृत्तिकार के अनुसार क्षत्रिय मुनि ने यह बात संजय मुनि के स्थिरीकरण के लिए कही।

१५. महाप्राण (महापाणे)

यह पांचवें देवलोक का एक विमान है।

१६. मैंने वहां पूर्ण आयु का भोग किया है (वरिससओवमे)

मनुष्य-लोक में सौ वर्ष की आयु पूर्ण आयु मानी जाती है। इसी दृष्टि से देवलोक की पूर्ण आयु की उससे तुलना की गई है। क्षत्रिय मुनि ने कहा—जैसे मनुष्य यहां सौ वर्ष की आयु भोगते हैं, वैसे मैंने वहां दिव्य सौ वर्ष की आयु का भोग किया है।

१७. (पाली महापाली)

पाल जैसे जल को धारण करती है वैसे ही भव-स्थिति जीवन-जल को धारण करती है। इसलिए उसे 'पाली' कहा गया है।

'पाली' को पल्योपम-प्रमाण और 'महापाली' को सागरोपम-प्रमाण माना गया है।४ यह गणनातीत (उपमेय) काल है। असंख्य-काल का एक पल्य होता है और दस कोडाकोड पल्यों का एक सागर है। विशद जानकारी के लिए देखिए—अणुओगदाराइं, सूत्र ४१८ आदि।

यहां 'महापाली' भव-स्थिति को 'वर्षशतोपमा' माना है। मनुष्य-लोक में सौ वर्ष की आयु पूर्ण आयु मानी जाती है, उसी तरह महाप्राण देवलोक में महापाली परम आयु मानी जाती है। इसलिए पुन: महापाली को वर्षशतोपम कहा गया। पल्योपम काल को एक पल्य की उपमा से समझाया गया है। पल्य में से एक बाल सौ-सौ वर्षों के अन्तर से निकाला जाता है। इसीलिए उसे 'वर्षशतोपम' कहा हो, यह भी कल्पना की जा सकती है।

१८. (श्‍लोक २९)

क्षत्रिय मुनि ने संजय मुनि को अपने पूर्वजन्म की जानकारी दी। इससे ध्वनित होता है कि उन्हें जातिस्मरण ज्ञान उपलब्ध था। जातिस्मरण के द्वारा अपने पूर्वजन्म को जाना जा सकता है। उन्होंने आगे कहा—मैं जिस प्रकार अपनी आयु को जानता हूं उसी प्रकार दूसरों की आयु को भी जानता हूं। जातिस्मरण से दूसरों की आयु को नहीं जाना जा सकता। इससे ज्ञात होता है कि उन्हें दूसरों का पूर्वजन्म जानने की विद्या भी प्राप्त थी।

१९. रुचि (रुइं)

यहां रुचि का अर्थ है—क्रियावाद, अक्रियावाद आदि दर्शनों के प्रति होने वाली अभिलाषा।

२०. सब प्रकार के अनर्थ (सव्वत्था)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं और उनके आधार पर अर्थ भी दो होते हैं—

१. सर्वार्था:—हिंसा आदि अशेष विषय।

२. सर्वत्र—आकार को अलाक्षणिक मानने पर इसका संस्कृत रूप 'सर्वत्र' होगा और अर्थ होगा—सभी क्षेत्र आदि में।

२१. गृहस्थ-कार्य-सम्बन्धी मंत्रणाओं से (परमंतेहिं)

मुनि ने कहा—मैं अंगुष्ठ-विद्या आदि प्रश्‍नों से दूर रहता हूं, किन्तु गृहस्थ-कार्य-सम्बन्धी मंत्रणाओं से विशेष दूर रहता हूं। क्योंकि वे अतिसावद्य होती हैं। अत: मेरे लिए करणीय नहीं होतीं।

२२. समझकर (विज्जा)

'विज्जा' (सं० विद्वान्) शब्द क्‍वसु प्रत्ययान्त है। क्‍वसु प्रत्यय भूत और वर्तमान—दोनों अर्थों में होता है। प्रस्तुत संदर्भ में क्‍वसु प्रत्यय वर्तमान अर्थ में निर्दिष्ट है। इसका अर्थ है जानकर—समझकर। वृत्ति में विद्वान् का अर्थ जानता हुआ किया है।

२३. (श्‍लोक ३१-३२)

क्षत्रिय मुनि ने राजर्षि संजय से कहा—तुमने मुझे आयु के विषय में प्रश्‍न किया है। मैं अपना आयुष्य-काल और दूसरों का आयुष्य-काल भी जानता हूं, किन्तु मैं ऐसे प्रश्‍नों से अतीत हो चुका हूं। फिर भी तुमने जानने की दृष्टि से मुझे पूछा है। वह मैं बताता हूं।

फिर क्षत्रिय मुनि ने संभवत: संजय को उनके आयुष्य-काल के विषय में कुछ बताया हो, ऐसा प्रतीत होता है। उन्होंने आगे कहा—मृत्यु विषयक ज्ञान जैन शासन में विद्यमान है। जिनशासन की आराधना करो, वह ज्ञान तुम्हें भी उपलब्ध हो सकेगा।

२४. क्रियावाद...अक्रियावाद (किरियं...अकिरियं)

सूत्रकृतांग चूर्णि के अनुसार क्रिया का अर्थ है—कंपन। एजन, कंपन, गमन, और क्रिया (प्रवृत्ति)—ये सब एकार्थक हैं। महर्षि पतंजलि ने चित्त निरोध के प्रयत्‍न को क्रिया कहा है। उन्होंने तीन प्रकार की क्रियाएं मानी हैं—१. शारीरिक क्रियायोग—तपस्या आदि २. वाचिक क्रियायोग—स्वाध्याय आदि और ३. मानस क्रियायोग—ईश्‍वर प्रणिधान आदि।

भगवान महावीर के समय में चार प्रकार के वाद प्रचलित थे—क्रियावाद, अक्रियावाद, अज्ञानवाद और विनयवाद। प्रस्तुत प्रसंग में 'किरिआ' शब्द क्रियावाद के अर्थ में प्रयुक्त है। क्रियावाद का अर्थ है—आत्मा आदि पदार्थों में विश्‍वास करना तथा आत्मकर्तृत्व को स्वीकार करना। इसके चार अर्थ फलित होते हैं—आस्तिकवाद, सम्यग्वाद, पुनर्जन्मवाद और कर्मवाद।

अक्रियावाद की चार प्रतिपत्तियां हैं—

१. आत्मा का अस्वीकार।

२. आत्मा के कर्तृत्व का अस्वीकार।

३. कर्म का अस्वीकार।

४. पुनर्जन्म का अस्वीकार।

अक्रियावादी को नास्तिकवादी, नास्तिकप्रज्ञ और नास्तिकदृष्टि कहा गया है। स्थानांग सूत्र में अक्रियावादी के आठ प्रकार बतलाए हैं—

१. एकवादी

२. अनेकवादी

३. मितवादी

४. निर्मितवादी

५. सातवादी

६. समुच्छेदवादी

७. नित्यवादी

८. असत्परलोकवादी

इनके विशेष विवरण के लिए देखें—ठाणं ८।२२ का टिप्पण तथा सूयगडो १।१२।१ का टिप्पण।

वृत्तिकार ने क्रिया का अर्थ अस्तिवाद और सत्-अनुष्ठान तथा अक्रिया का अर्थ नास्तिवाद और मिथ्याअनुष्ठान किया है।

देखें—इसी अध्ययन का १३ वां टिप्पण।

२५. सागर पर्यन्त (सागरंतं)

तीन दिशाओं—पूर्व, पश्‍चिम और दक्षिण में सागर पर्यन्त और एक दिशा उत्तर में हिमालय पर्वत तक।

२६. अहिंसा (दयाए)

प्रश्‍न व्याकरण में अहिंसा के ६० नाम गिनाएं हैं। उनमें एक नाम है—दया। यहां दया अहिंसा के अर्थ में प्रयुक्त है। वृत्तिकार ने दया का अर्थ संयम किया है। दशवैकालिक में लज्जा, दया, संयम और ब्रह्मचर्य—ये चार विशुद्धि स्थान बतलाए गए हैं। अहिंसा की परिभाषा सब जीवों के प्रति संयम है। अत: दया का अर्थ संयम भी किया जा सकता है।

२७. (नमी नमेइ अप्पाणं.....सामण्णे पज्जुवट्ठिओ)

यह श्‍लोक प्रक्षिप्त प्रतीत होता है। इस निर्णय के अनेक कारण हैं—

१. यह नौवें अध्ययन (९।६१) में आ चुका है।

२. शान्त्याचार्य ने अपनी वृत्ति में इसकी व्याख्या नहीं की है।

३. इससे अग्रवर्ती श्‍लोक में नमीराज का उल्लेख आया है।

४. शान्त्याचार्य ने 'सूत्राणि सप्तदश'—ऐसा उल्लेख किया है।

'एयं पुण्णपयं सोच्चा' (३४ वें श्‍लोक) में 'तहेवुग्गं तवं किच्चा' (५० वें श्‍लोक) तक १७ श्‍लोक होते हैं। उनमें 'नमि नमेइ अप्पाणं' तथा 'करकंडू कलिंगेसु' श्‍लोकों की व्याख्या बृहद्वृत्ति में नहीं है। दोनों को प्रक्षिप्त मानने से 'सप्तदश सूत्राणि' की बात नहीं बैठती और 'करकंडू कलिंगेसु' को प्रक्षिप्त मानना भी युक्तियुक्त नहीं लगता। क्योंकि 'नमि नमेइ अप्पाणं' इसकी तो पुनरावृत्ति हुई है और 'करकंडू कलिंगेसु'— यह श्‍लोक पहली बार आया है। अत: 'नमी नमेइ अप्पाणं' को ही प्रक्षिप्त मानना चाहिए।

२८. (श्‍लोक ४५)

मुनि के तीन प्रकार होते हैं—

१. स्वयंबुद्ध—जो स्वयं बोधि प्राप्त करते हैं।

२. प्रत्येकबुद्ध—जो किसी एक निमित्त से बोधि प्राप्त करते हैं।

३. बुद्धबोधित—जो गुरु के उपदेश से बोधि प्राप्त करते हैं।

प्रत्येकबुद्ध एकाकी विहार करते हैं। वे गच्छवास में नहीं रहते। प्रस्तुत श्‍लोक में चार प्रत्येकबुद्धों का उल्लेख है—

१. करकण्डु—कलिंग का राजा।

२. द्विमुख—पंचाल का राजा।

३. नमि—विदेह का राजा।

४. नग्गति—गान्धार का राजा।

इनका विस्तृत वर्णन टीका में प्राप्त है। ये चारों प्रत्येकबुद्ध एक साथ, एक ही समय में देवलोक से च्युत हुए, एक साथ प्रव्रजित हुए, एक ही समय में बुद्ध हुए, एक ही समय में केवली बने और एक साथ सिद्ध हुए।

करकण्डु बूढ़े बैल को देखकर प्रतिबुद्ध हुआ।

द्विमुख इन्द्रध्वज को देखकर प्रतिबुद्ध हुआ।

नमि एक चूड़ी की नीरवता को देखकर प्रतिबुद्ध हुआ।

नग्गति मंजरी विहीन आम्र-वृक्ष को देखकर प्रतिबुद्ध हुआ।

बौद्ध ग्रन्थों में भी इन चार प्रत्येकबुद्धों का उल्लेख मिलता है। किन्तु इनके जीवन-चरित्र तथा बोधि-प्राप्ति के निमित्तों के उल्लेख में भिन्नता है।

चारों प्रत्येकबुद्धों का जीवनवृत्त इस प्रकार है—

१. करकण्डु

चम्पा नगरी में दधिवाहन नाम का राजा राज्य करता था। उसकी रानी का नाम पद्मावती था। वह गणतन्त्र के अधिनेता महाराज चेटक की पुत्री थी।

एक बार रानी गर्भवती हुई। उसे दोहद उत्पन्न हुआ। परन्तु वह उसे व्यक्त करने में लज्जा का अनुभव करती रही। शरीर सूख गया। राजा के पूछने पर रानी ने अपने मन की बात कह दीं।

रानी राजा का वेष धारण कर हाथी पर बैठी। राजा स्वयं उसके मस्तक पर छत्र लगा कर खड़ा था। रानी का दोहद पूरा हुआ। वर्षा आने लगी। हाथी वन की ओर भागा। राजा रानी घबड़ाए। राजा ने रानी से वट वृक्ष की शाखा पकड़ने के लिए कहा। हाथी उस वट वृक्ष के नीचे से निकला। राजा ने एक डाल पकड़ ली। रानी डाल नहीं पकड़ सकी। हाथी रानी को ले भागा। राजा अकेला रह गया। रानी के वियोग से वह अत्यन्त दु:खी हो गया।

हाथी थककर निर्जन वन में जा ठहरा। उसे एक तालाब दिखा। वह प्यास बुझाने के लिए पानी में घुसा। रानी अवसर देख नीचे उतरी और तालाब से बाहर आ गई।

वह दिग्मूढ़ हो इधर-उधर देखने लगी। भयाक्रांत हो वह एक दिशा की ओर चल पड़ी। उसने एक तापस देखा। उसके निकट जा प्रणाम किया। तापस ने उसका परिचय पूछा। रानी ने सब बता दिया। तापस ने कहा—''मैं भी महाराज चेटक का सगोत्री हूं। अब भयभीत होने की कोई बात नहीं।'' उसने रानी को आश्‍वस्त कर, फल भेंट किए। रानी ने फल खाए। दोनों वहां से चले। कुछ दूर जाकर तापस ने गांव दिखाते हुए कहा—'मैं इस हल-कृष्ट भूमि पर चल नहीं सकता। वह दंतपुर नगर दीख रहा है। वहां दंतवक्र राजा है। तुम निर्भय हो वहां चली जाओ और अच्छा साथ देखकर चम्पापुरी चली जाना।'

रानी पद्मावती दंतपुर पहुंची। वहां उसने एक उपाश्रय में साध्वियों को देखा। उनके पास जा वन्दना की। साध्वियों ने परिचय पूछा। उसने सारा हाल कह सुनाया, पर गर्भ की बात गुप्त रख ली। साध्वियों ने उपदेश दिया।

साध्वियों की बात सुन रानी को वैराग्य हुआ। उसने दीक्षा ले ली। गर्भ वृद्धिंगत हुआ। महत्तरिका ने यह देख रानी से पूछा। साध्वी रानी ने सच-सच बात बता दी। महत्तरिका ने यह बात गुप्त रखी। काल बीता। गर्भ के दिन पूरे हुए। रानी ने शय्यातर के घर जा प्रसव किया। उस नवजात शिशु को रत्‍नकम्बल में लपेटा और अपनी नामांकित मुद्रा उसे पहना श्मशान में छोड़ दिया। श्मशानपाल ने उसे उठाया और अपनी स्त्री को दे दिया। उसने उसका नाम 'अवकीर्णक' रखा। साध्वी रानी ने श्मशानपाल की पत्‍नी से मित्रता की। रानी जब उपाश्रय में पहुंची तब साध्वियों ने गर्भ के विषय में पूछा। उसने कहा—मृत पुत्र हुआ था। मैंने उसे फेंक दिया।

बालक श्मशानपाल के यहां बड़ा हुआ। वह अपने समवयस्क बालकों के साथ खेल खेलते समय कहता—'मैं तुम्हारा राजा हूं। मुझे 'कर' दो।'

एक बार उसके शरीर में सूखी खुजली हो गई। वह अपने साथियों से कहता—'मुझे खुजला दो।' ऐसा करने से उसका नाम 'करकण्डु' हुआ।

करकण्डु उस साध्वी के प्रति अनुराग रखता था। वह साध्वी मोहवश उसे भिक्षा में प्राप्त लड्डू आदि दिया करती थी।

बालक बड़ा हुआ। वह श्मशान की रक्षा करने लगा। वहां पास ही बांस का वन था। एक बार दो साधु उस ओर से निकले। एक साधु दण्ड के लक्षणों को जानता था। उसने कहा—'अमुक प्रकार का दण्ड जो ग्रहण करेगा, वह राजा होगा।' करकण्डु तथा एक ब्राह्मण के लड़के ने यह बात सुनी। ब्राह्मण कुमार तत्काल गया और लक्षण वाले बांस का दण्ड काटा। करकण्डु ने कहा—'यह बांस मेरे श्मशान में बढ़ा है, अत: इसका मालिक मैं हूं।' दोनों में विवाद हुआ न्यायाधीश के पास गए। उसने न्याय देते हुए करकण्डु को बांस दण्ड दिला दिया।

ब्राह्मण कुपित हुआ और उसने चाण्डाल परिवार को मारने का षड्यन्त्र रचा। चाण्डाल को इसकी जानकारी मिल गई। वह अपने परिवार को साथ ले काञ्चनपुर चला गया।

काञ्चनपुर का राजा मर चुका था। उसके पुत्र नहीं था। राजा चुनने के लिए घोड़ा छोड़ा गया। घोड़ा सीधा वहीं जा रुका, जहां चाण्डाल विश्राम कर रहा था। घोड़े ने कुमार करकण्डु की प्रदक्षिणा की और वह उसके निकट ठहर गया। सामंत आए। कुमार को ले गए। राज्याभिषेक हुआ। वह काञ्चनपुर का राजा बन गया।

जब ब्राह्मणकुमार ने यह समाचार सुना तो वह एक गांव लेने की आशा से करकण्डु के पास आया और याचना की कि मुझे चम्पा राज्य में एक गांव दिया जाए। करकण्डु ने दधिवाहन के नाम पत्र लिखा। दधिवाहन ने इसे अपना अपमान समझा। उसने करकण्डु को बुरा-भला कहा। करकण्डु ने यह सब सुन कर चम्पा पर चढ़ाई कर दी।

साध्वी रानी पद्मावती ने युद्ध की बात सुनी। मनुष्य-संहार की कल्पना साकार हो उठी। वह चम्पा पहुंची। पिता-पुत्र का परिचय कराया। युद्ध बन्द हो गया। राजा दधिवाहन अपना सारा राज्य करकण्डु को दे प्रव्रजित हो गया।

करकण्डु गो-प्रिय था। एक दिन वह गोकुल देखने गया। उसने एक पतले बछड़े को देखा। उसका मन दया से भर गया। उसने आज्ञा दी कि इस बछड़े को उसकी मां का सारा दूध पिलाया जाए और जब वह बड़ा हो जाए तो दूसरी गायों का दूध भी उसे पिलाया जाए। गोपालों ने यह बात स्वीकार की।

बछड़ा सुखपूर्वक बढ़ने लगा। वह युवा हुआ। उसमें अपार शक्ति थी। राजा ने देखा। वह बहुत प्रसन्न हुआ।

कुछ समय बीता। एक दिन राजा पुन: वहां आया। उसने देखा कि वही बछड़ा आज बूढ़ा हो गया है, उसकी आंखें धंसी जा रही हैं, पैर लड़खड़ा रहे हैं और दूसरे छोटे-बड़े बैलों का संघट्टन सह रहा है। राजा का मन वैराग्य से भर गया। संसार की परिवर्तनशीलता का भान हुआ। वह प्रतिबुद्ध होकर प्रत्येक-बुद्ध हो गया। वह प्रव्रजित होकर विहरण करने लगा।

२. द्विमुख

पंचाल देश में काम्पिल्य नाम का नगर था। वहां जय नाम का राजा राज्य करता था। वह हरिकुलवंश में उत्पन्न हुआ था। उसकी रानी का नाम गुणमाला था।

एक दिन राजा आस्थान मण्डप में बैठा था। उसने दूत से पूछा—'संसार में ऐसी कौन-सी वस्तु है जो मेरे पास नहीं है और दूसरे राजाओं के पास है?' दूत ने कहा—'राजन्! तुम्हारे यहां चित्र-सभा नहीं है।' राजा ने तत्काल चित्रकारों को बुलाया और चित्र-सभा का निर्माण करने की आज्ञा दी। चित्रकारों ने कार्य प्रारम्भ किया। पृथ्वी की खुदाई होने लगी। पांचवें दिन एक रत्‍नमय देदीप्यमान् महामुकुट निकला। राजा को सूचना मिली। वह अत्यन्त प्रसन्न हुआ।

थोड़े ही काल में चित्र-सभा का कार्य सम्पन्न हुआ। शुभ दिन देखकर राजा ने वहां प्रवेश किया और मंगल-वाद्य ध्वनियों के बीच उस मुकुट को धारण किया। उस मुकुट के प्रभाव से उसके दो मुंह दीखने लगे। लोगों ने उसका नाम 'द्विमुख' रखा।

काल अतिक्रांत हुआ। राजा के सात पुत्र हुए, पर एक भी पुत्री नहीं हुई। गुणमाला उदासीन रहने लगी। उसने मदन नामक यक्ष की आराधना प्रारम्भ की। यक्ष प्रसन्न हुआ। उसके एक पुत्री हुई। उसका नाम 'मदनमञ्जरी' रखा।

उज्जैनी के राजा चण्डप्रद्योत ने मुकुट की बात सुनी। उसने दूत भेजा। दूत ने द्विमुख राजा से कहा—या तो आप अपना मुकुट चण्डप्रद्योत राजा को समर्पित करें या युद्ध के लिए तैयार हो जाएं ।

द्विमुख राजा ने कहा—'मैं अपना मुकुट तभी दे सकता हूं जबकि वह मुझे चार वस्तुएं दे—

१. अनलगिरि हाथी २. अग्‍निभीरु रथ ३. शिवा देवी और ४. लोहजंघ लेखाचार्य।'

दूत ने जाकर चण्डप्रद्योत से सारी बात कही। वह कुपित हुआ और उसने चतुरंगिणी सेना ले द्विमुख पर चढ़ाई कर दी। वह सीमा पर पहुंचा। उसने सेना का पड़ाव डाला और गरुड़-व्यूह की रचना की। द्विमुख भी अपनी सेना ले सीमा पर आ डटा। उसने सागर-व्यूह की रचना की।

दोनों ओर भयंकर युद्ध हुआ। मुकुट के प्रभाव से द्विमुख की सेना अजेय रही। प्रद्योत की सेना भागने लगी। वह हार गया। द्विमुख ने उसे बन्दी बना डाला।

चण्डप्रद्योत कारागृह में बन्दी था। एक दिन उसने राजकन्या मदनमञ्जरी को देखा। वह उसमें आसक्त हो गया। ज्यों-त्यों रात बीती। प्रात:काल हुआ। राजा द्विमुख वहां आया। उसने प्रद्योत को उदासीन देखा। कारण पूछने पर उसने सारी बात कही। उसने कहा—'यदि मदनमञ्जरी नहीं मिली तो मैं अग्‍नि में कूद कर मर जाऊंगा।' द्विमुख ने अपनी कन्या का विवाह उससे कर दिया। चण्डप्रद्योत अपनी नववधू को साथ ले उज्जैनी चला गया।

एक बार इन्द्र-महोत्सव आया। राजा की आज्ञा से नागरिकों ने इन्द्रध्वज की स्थापना की। वह इन्द्रध्वज अनेक प्रकार के पुष्पों, घण्टियों तथा मालाओं से सज्जित किया गया। लोगों ने उसकी पूजा की। स्थान-स्थान पर नृत्य, गीत होने लगे। सारे लोग मोद-मग्‍न थे। इस प्रकार सात दिन बीते। पूर्णिमा के दिन महाराज द्विमुख ने इन्द्रध्वज की पूजा की।

पूजा-काल समाप्त हुआ। लोगों ने इन्द्रध्वज के आभूषण उतार लिए और काष्ठ को सड़क पर फेंक दिया। एक दिन राजा उसी मार्ग से निकला। उसने उस इन्द्रध्वज काष्ठ को मलमूत्र में पड़े देखा। उसे वैराग्य हो आया। वह प्रत्येक-बुद्ध हो पंचमुष्टि लोच कर प्रव्रजित हो गया।

३. नमि

अवन्ती देश में सुदर्शन नाम का नगर था। वहां मणिरथ नाम का राजा राज्य करता था। युगबाहु उसका भाई था। उसकी पत्‍नी का नाम मदनरेखा था। मणिरथ ने युगबाहु को मार डाला। मदनरेखा गर्भवती थी। वह वहां से अकेली चल पड़ी। जंगल में उसने एक पुत्र को जन्म दिया। उसे रत्‍नकम्बल में लपेटकर वहीं रख दिया और स्वयं शौच-कर्म करने जलाशय में गई। वहां एक जलहस्ती ने उसे सूंड में पकड़ा और आकाश में उछाला। विदेह राष्ट्र के अन्तर्गत मिथिला नगरी का नरेश पद्मरथ शिकार करने जंगल में आया। उसने उस बच्चे को उठाया। वह निष्पुत्र था। पुत्र की सहज प्राप्ति पर उसे प्रसन्नता हुई। बालक उसके घर में बढ़ने लगा। उसके प्रभाव से पद्मरथ के शत्रु राजा भी नत हो गए। इसलिए बालक का नाम 'नमि' रखा। युवा होने पर उसका विवाह १००८ कन्याओं के साथ सम्पन्न हुआ।

पद्मरथ विदेह राष्ट्र की राज्यसत्ता नमि को सौंप प्रव्रजित हो गया। एक बार महाराज नमि को दाह-ज्वर हुआ। उसने छह मास तक अत्यन्त वेदना सही। वैद्यों ने रोग को असाध्य बतलाया। दाह-ज्वर को शांत करने के लिए रानियां स्वयं चन्दन घिस रही थीं। उनके हाथ में पहिने कंकण बज रहे थे। उनकी आवाज से राजा को कष्ट होने लगा। उसने कंकण उतार देने के लिए कहा। सभी रानियों ने सौभाग्य चिन्ह स्वरूप एक-एक कंकण को छोड़कर शेष सभी कंकण उतार दिए। कुछ देर बाद राजा ने अपने मंत्री से पूछा—'कंकण का शब्द क्यों नहीं सुनाई दे रहा है?' मंत्री ने कहा—'राजन्! उसके घर्षण से उठे हुए शब्द आपको अप्रिय लगते हैं, यह सोचकर सभी रानियों ने एक-एक कंकण के अतिरिक्त शेष कंकण उतार दिए हैं। अकेले में घर्षण नहीं होता। घर्षण के बिना शब्द कहां से उठे?'

राजा नमि ने सोचा—'सुख अकेलेपन में है। जहां द्वंद्व है, दो हैं वहां दु:ख है।' विचार आगे बढ़ा। उसने सोचा यदि मैं इस रोग से मुक्त हो जाऊंगा तो अवश्य ही प्रव्रज्या ग्रहण कर लूंगा। उस दिन कार्तिक मास की पूर्णिमा थी। राजा इसी चिंतन में लीन हो सो गया। रात्रि के अन्तिम प्रहर में उसने स्वप्‍न देखा। नन्दीघोष की आवाज से जागा। उसका दाह-ज्वर नष्ट हो चुका था। उसने स्वप्‍न का चिन्तन किया। उसे जाति-स्मृति हो गई। वह प्रतिबुद्ध हो प्रव्रजित हो गया।

४. नग्गति (नग्गई)

गांधार जनपद में पुण्ड्रवर्द्धन नाम का नगर था। वहां सिंहरथ नाम का राजा राज्य करता था। एक बार उत्तरापथ से उसके दो घोड़े भेंट आए।

एक दिन राजा और राजकुमार दोनों घोड़ों पर सवार हो उनकी परीक्षा करने निकले। राजा ज्यों-ज्यों लगाम खींचता त्यों-त्यों वह तेजी से दौड़ता था। दौड़ते-दौड़ते वह बारह योजन तक चला गया। राजा ने लगाम ढीली छोड़ दी। घोड़ा वहीं रुक गया। उसे एक वृक्ष के नीचे बांध राजा घूमने लगा। फल खाकर भूख शांत की। रात बिताने के लिए राजा पहाड़ पर चढ़ा। वहां उसने सप्तभौम वाला एक सुन्दर महल देखा। राजा अन्दर गया। वहां एक सुन्दर कन्या देखी। एक दूसरे को देख दोनों में प्रेम हो गया। राजा ने कन्या का परिचय पूछा, पर उसने कहा—'पहले मेरे साथ विवाह करो, फिर मैं अपना सारा वृत्तांत तुम्हें बताऊंगी।'

राजा ने उसके साथ विवाह किया। कन्या का नाम कनकमाला था। रात बीती। प्रात:काल कन्या ने कथा सुनाई।

राजा ने दत्तचित्त हो कथा सुनी। उसे जातिस्मरण ज्ञान हो गया। वह एक महीने तक वहीं रहा।

एक दिन उसने कनकमाला से कहा—'प्रिये! शत्रुवर्ग कहीं मेरे राज्य का नाश न कर दे, इसलिए अब मुझे वहां जाना चाहिए। तू मुझे आज्ञा दे।' कनकमाला ने कहा—'जैसी आपकी आज्ञा! परन्तु आपका नगर यहां से दूर है। आप पैदल कैसे चल सकेंगे? मेरे पास प्रज्ञप्ति विद्या है। आप इसे साध लें।' राजा ने विद्या की साधना की। विद्या सिद्ध होने पर उसके प्रभाव से वह अपने नगर पहुंच गया।

राजा को प्राप्त कर लोगों ने महोत्सव मनाया। सामंतों ने राजा से पूर्व वृत्तांत पूछा। राजा ने सारी बात बताई। सब आश्‍चर्य से भर गए।

राजा पांच-पांच दिनों से उसी पर्वत पर कनकमाला से मिलने जाया करता था। वह कुछ दिन उसके साथ बिता कर अपने नगर को लौट आता। इस प्रकार काल बीतने लगा। लोग कहते—राजा 'नग' अर्थात् पर्वत पर है। उसके बाद उसका नाम 'नग्गति' पड़ा।

एक दिन राजा भ्रमण करने निकला। उसने एक पुष्पित आम्र वृक्ष देखा। एक मञ्जरी को तोड़ वह आगे निकला। साथ वाले सभी व्यक्तियों ने मञ्जरी, पत्र, प्रवाल, पुष्प, फल आदि सारे तोड़ डाले। आम्र का वृक्ष अब केवल ठूंठ मात्र रह गया। राजा पुन: उसी मार्ग से लौटा। उसने पूछा—'वह आम्र-वृक्ष कहां है?' मंत्री ने अंगुली के इशारे से उस ठूंठ की ओर संकेत किया। राजा आम की उस अवस्था को देख अवाक् रह गया। उसे कारण ज्ञात हुआ। उसने सोचा—'जहां ऋद्धि है, वहां शोभा है परन्तु ऋद्धि स्वभावत: चंचल होती है।' इन विचारों से वह संबुद्ध हो गया।

२९. श्‍वेत (सेओ)

प्रस्तुत श्‍लोक में आया हुआ 'सेओ' (श्‍वेत) काशीमंडल के अधिपति का नाम है। स्थानांग सूत्र में यह उल्लेख है कि भगवान् महावीर ने आठ राजाओं को प्रव्रजित किया था। उनमें एक 'सेय' (श्‍वेत) नाम का राजा था। स्थानांग की टीका में उसे आमलकल्पा नगरी का राजा बतलाया गया है। उसकी रानी का नाम धारणी था। एक बार भगवान् महावीर जब आमलकल्पा नगरी में आए तब राजा-रानी—दोनों प्रवचन सुनने गए और प्रव्रजित हो गए। स्थानांग के आधार पर काशीराज का नाम श्‍वेत था, यह संभावना की जा सकती है।

उत्तराध्ययन की बृहद्वृत्ति में 'सेओ' का अर्थ श्रेयस्—अतिप्रशस्य किया है। डॉ० हर्मन जेकोबी ने भी इसका अनुसरण कर सेय का अनुवाद ठमेज किया है और इसे सत्य का विशेषण माना है।

सुखबोधा में काशीराज का परिचय सातवें बलदेव नन्दन के रूप में दिया गया है। उनका जीवनवृत्त इस प्रकार है—वाराणसी नगरी में अग्‍निशिख राजा था। उसकी रानी का नाम था जयंती। उसके पुत्र का नाम था नन्दन। वह सातवां बलदेव था। उसका छोटा भाई शेषवती का पुत्र दत्त वासुदेव था।

सुखबोधा के इस मंतव्य का कोई प्राचीन आधार ज्ञात नहीं है।

डॉ० हर्मन जेकोबी ने फुटनोट में इस मत को उद्धृत किया है।

३०. सिर देकर सिर (मोक्ष) को (सिरसा सिरं)

'सिरसा'—सिर दिए बिना अर्थात् जीवन-निरपेक्ष हुए बिना साध्य की उपलब्धि नहीं होती। 'सिरसा'—इस शब्द में 'इष्टं साधयामि पातयामि वा शरीरम्' की प्रतिध्वनि है।

शान्त्याचार्य ने इसके साथ में 'इव' और जोड़ा है।

'सिर'—शरीर में सबसे ऊंचा स्थान सिर का है। लोक में सबसे ऊंचा मोक्ष है। इसी समानता से सिर-स्थानीय मोक्ष को 'सिर' कहा है।

३१. (श्‍लोक ३४-५०)

इन सतरह श्‍लोकों में जिनशासन में दीक्षित होने वाले राजाओं की तालिका दी गई है। इनमें दस चक्रवर्ती और शेष नौ माण्डलिक राजे हैं—

चक्रवर्तीराजे
१. भरत१. दशार्णभद्र
२. सगर२. करकण्डु
३. मघवा३. द्विमुख
४. सनत्कुमार४. नमिराज
५. शांतिनाथ५. नग्गति
६. कुन्थु६. उद्रायण
७. अर७. श्‍वेत
८. महापद्म८. विजय
९. हरिषेण९. महाबल
१०. जय

३२. अहेतुवादों के द्वारा (अहेऊहिं)

बृहद्वृत्ति में अहेतु का अर्थ कुहेतु किया गया है। जो अपने साध्य की सिद्धि करने में सक्षम होता है वह साधन अथवा हेतु कहलाता है। एकांतदृष्टि वाले जितने विचार हैं वे अपने साध्य की सिद्धि करने में सफल नहीं होते, इसलिए एकांतवादी दृष्टिकोण को अहेतु कहा जा सकता है।

३३. अत्यन्त युक्तियुक्त (अच्चंतनियाणखमा)

शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—

(१) अतिशय निदान (हेतु) युक्त।

(२) अतिशय निदान (कर्ममल शोधन) में क्षम।

चूर्णिकार ने 'अनियाणखम' पद मानकर अनिदान का अर्थ अबंध किया है।

३४. संगों से (संग)

जिससे कर्म का बंधन होता है, उसे 'संग' कहते हैं। वह दो प्रकार का है—द्रव्यसंग और भावसंग। द्रव्यत: संग पदार्थ होते हैं और भावत: संग होते हैं एकांतवादी दर्शन।

३५. (श्‍लोक २०-५३)

इन चौंतीस श्‍लोकों में क्षत्रिय और राजर्षि संजय के बीच हुए वार्तालाप का संकलन है। क्षत्रिय ने बिना पूछे ही अपना परिचय दिया और फिर अनेक राजाओं के उदाहरणों से संजय को समझाया।

अन्त में क्षत्रिय वहां से चलकर अपने विवक्षित स्थान पर आ गए। राजर्षि संजय तप के आचरण द्वारा आस्रवों को क्षीण कर मुक्त हो गए।

♦

उन्नीसवां अध्ययन : मृगापुत्रीय

19

उन्नीसवां : अध्ययन मृगापुत्रीय

आमुख

निर्युक्तिकार के अनुसार इस अध्ययन का नाम 'मिगपुत्तिज्जं'—'मृगापुत्रीय' है। मृगा रानी के पुत्र से यह अध्ययन समुत्पन्न है, इसलिए इसका नाम 'मृगापुत्रीय' रखा गया है।

समवायांग के अनुसार इसका नाम 'मिगचारिया'— 'मृगचारिका' है। यह नामकरण प्रतिपाद्य के आधार पर है।

सुग्रीव नगर में बलभद्र नाम का राजा राज्य करता था। उसकी पटरानी का नाम मृगावती था। उसके एक पुत्र था। माता-पिता ने उसका नाम बलश्री रखा। वह लोक में मृगापुत्र के नाम से प्रसिद्ध हुआ। युवा हुआ। पाणिग्रहण सम्पन्न हुआ। एक बार वह अपनी पत्‍नियों के साथ प्रासाद के झरोखे में बैठा हुआ क्रीड़ा कर रहा था। मार्ग में लोग आ-जा रहे थे। स्थान-स्थान पर नृत्य-संगीत की मण्डलियां आयोजित थीं। एकाएक उसकी दृष्टि राजमार्ग पर मन्द गति से चलते हुए निर्ग्रन्थ पर जा टिकी। मुनि के तेजोदीप्त ललाट, चमकते हुए नेत्रों तथा तपस्या से कृश शरीर को वह अनिमेषदृष्टि से देखता रहा। मन आलोकित हुआ। चिन्तन तीव्र हुआ। उसने सोचा—''अन्यत्र भी मैंने ऐसा रूप देखा है।'' इन विचारों में वह लीन हुआ और उसे जाति-स्मृति ज्ञान उत्पन्न हो गया। पूर्व-जन्म की सारी घटनाएं प्रत्यक्ष हो गईं। उसने जान लिया कि पूर्व-भव में वह श्रमण था। इस अनुभूति से उसका मन वैराग्य से भर गया। वह अपने माता-पिता के पास आया और बोला—''तात! मैं प्रव्रज्या लेना चाहता हूं। शरीर अनित्य है, अशुचिमय है, दु:ख और क्लेशों का भाजन है। मुझे इसमें कोई रस नहीं है। जिसे आज या कल छोड़ना ही होगा, उसे मैं अभी छोड़ देना चाहता हूं। संसार में दु:ख ही दु:ख है। जन्म दु:ख है, मरण दु:ख है, जरा दु:ख है। सारे भोग आपात-भद्र और परिणाम-विरस हैं।'' (श्‍लोक ९-१५)

माता-पिता ने उसे समझाया और श्रामण्य की कठोरता और उसकी दुश्‍चरता का दिग्दर्शन कराया। उन्होंने कहा—

''पुत्र! श्रामण्य दुश्‍चर है। मुनि को हजारों गुण धारण करने होते हैं। उसे जीवन भर प्राणातिपात से विरति करनी होती है। इसी प्रकार मृषावाद, अदत्तादान, अब्रह्मचर्य और परिग्रह का विवर्जन करना होता है। रात्रि-भोजन का सर्वथा त्याग अत्यन्त कठिन है। अनेक कष्ट सहने पड़ते हैं।''

''भिक्षाचर्या दु:खप्रद होती है। याचना और अलाभ—दोनों को सहना दुष्कर है। साधु को कुक्षि-संबल होना पड़ता है।''

''तुम सुकोमल हो, श्रामण्य अत्यन्त कठोर है। तुम उसका पालन नहीं कर सकोगे। दूसरी बात है कि यह श्रामण्य यावज्जीवन का होता है। इसमें अवधि नहीं होती। श्रामण्य बालुका-कवल की तरह नि:स्वाद और असि-धारा की तरह दुश्‍चर है। इसका पालन करना लोहे के यव चबाने जैसा है।'' (श्‍लोक २४-३८)

इस प्रकार मृगापुत्र और उसके माता-पिता के बीच सुन्दर संवाद चलता है। माता-पिता उसे भोग की ओर आकृष्ट करना चाहते हैं और वह साधना की ओर अग्रसर होना चाहता है। माता-पिता ने श्रामण्य को जिन उपमाओं से उपमित किया है वे संयम की गुरुता और दुष्करता को प्रमाणित करती हैं।

मृगापुत्र का आत्म-विश्‍वास मूर्त्त हो जाता है और वह इन सबको आत्मसात् करने के लिए अपने आपको योग्य बताता है।

अन्त में माता-पिता कहते हैं—''वत्स! जो कुछ तू कहता है वह सत्य है परंतु श्रामण्य का सबसे बड़ा दुख है—निष्प्रति-कर्मता अर्थात् रोग की चिकित्सा न करना।'' (श्‍लोक ७५)

मृगापुत्र ने कहा—''तात! अरण्य में बसने वाले मृग आदि पशुओं तथा पक्षियों की कौन चिकित्सा करता है? कौन उनको औषधि देता है? कौन उनकी सुख-पृच्छा करता है? कौन उनको भक्त-पान देता है? मैं भी उन्हीं की भांति रहूंगा—मृगचारिका से अपना जीवन बिताऊंगा।'' (श्‍लोक ७६-८५)

माता-पिता ने मृगापुत्र की बातें सुनी। उसकी संयम-ग्रहण की दृढ़ता से पराभूत हो उन्होंने प्रव्रज्या की आज्ञा दे दी। मृगापुत्र मुनि बन गया। उसने पवित्रता से श्रामण्य का पालन किया और अन्त में सिद्ध, बुद्ध, मुक्त हो गया।

एगूणविंसइमं अज्झयणं : मियापुत्तिज्जं

उन्नीसवां अध्ययन : मृगापुत्रीय

मूल

१. सुग्गीवे नयरे रम्मे, काणणुज्जाणसोहिए।

राया बलभद्दो त्ति, मिया तस्सग्गमाहिसी।।

हिन्‍दी अनुवाद

कानन और उद्यान१ से शोभित सुरम्य सुग्रीव नगर में बलभद्र राजा था। मृगा उसकी पटरानी थी।

२. तेसिं पुत्ते बलसिरी, मियापुत्ते त्ति विस्सुए।

अम्मापिऊण दइए, जुवराया दमीसरे।।

उनके 'बलश्री'२ नाम का पुत्र था। जनता में वह 'मृगापुत्र'—इस नाम से विश्रुत था। वह माता-पिता को प्रिय, युवराज३ और दमीश्‍वर४ था।

३. नंदणे सो उ पासाए, कीलए सह इत्थिहिं।

देवो दोगुंदगो चेव, निच्चं मुइयमाणसो।।

वह दोगुन्दग५ देवों की भांति सदा प्रमुदित-मन रहता हुआ आनन्द लेने वाले प्रासाद में स्त्रियों के साथ क्रीड़ा कर रहा था।

४. मणिरयणकुट्टिमतले, पासायालोयणट्ठिओ।

आलोएइ नगरस्स, चउक्कतियचच्चरे।।

मणि और रत्‍न६ से जड़ित फर्श वाले प्रासाद के गवाक्ष७ में बैठा हुआ मृगापुत्र नगर के चौराहों, तिराहों और चौहट्टों को देख रहा था।

५. अह तत्थ अइच्छंतं, पासई समणसंजयं।

तवनियमसंजमधरं, सीलड्ढं गुणआगरं।।

उसने वहां जाते हुए एक संयत श्रमण को देखा, जो तप, नियम८ और संयम को धारण करने वाला, शील से समृद्ध९ और गुणों का आकर था।

६. तं देहई मियापुत्ते, दिट्ठीए अणिमिसाए उ।

कहिं मन्नेरिसं रूवं, दिट्ठपुव्वं मए पुरा।।

मृगापुत्र ने उसे अनिमेष-दृष्टि से देखा और मन ही मन चिन्तन करने लगा—''मैं मानता हूं कि ऐसा रूप मैंने पहले कहीं देखा है।''

७. साहुस्स दरिसणे तस्स, अज्झवसाणम्मि सोहणे।

मोहंगयस्स संतस्स, जाईसरणं समुप्पन्नं।।

साधु के दर्शन और अध्यवसाय१० पवित्र होने पर ''मैंने ऐसा कहीं देखा है''—इस विषय में सम्मोहित हो गया, चित्तवृत्ति सघनरूप में एकाग्र हो गई११ और विकल्प शांत हो गए। इस अवस्था में उसे जाति स्मरण—पूर्व-जन्म की स्मृति हो आई।

(देवलोगचुओ संतो, माणुसं भवमागओ।

सण्णिनाणे समुप्पण्णे, जाइं सरइ पुराणयं।।)

(देवलोक से च्युत हो मनुष्य-जन्म में आया। समनस्क-ज्ञान उत्पन्न हुआ। तब पूर्व-जन्म की स्मृति हुई।)

८. जाईसरणे समुप्पन्ने, मियापुत्ते महिड्ढिए।

सरई पोराणियं जाइं, सामण्णं च पुराकयं।।

जाति-स्मृति ज्ञान उत्पन्न होने पर महर्द्धिक मृगापुत्र को पूर्व-जन्म और पूर्व-कृत श्रामण्य की स्मृति हो आई।

९. विसएहि अरज्जंतो, रज्जंतो संजमम्मि य।

अम्मापियरं उवागम्म, इमं वयणमब्बवी।।

अब विषयों में उसकी आसक्ति नहीं रही। वह संयम में अनुरक्त हो गया। माता-पिता के समीप आ उसने इस प्रकार कहा—

१०. सुयाणि मे पंच महव्वयाणि, नरएसु दुक्खं च तिरिक्खजोणिसु।

निव्विण्णकामो मि महण्णवाओ, अणुजाणह पव्वइस्सामि अम्मो!।।

''मैंने पांच महाव्रतों को सुना है। नरक और तिर्यंच योनियों में दु:ख है। मैं संसार-समुद्र से निर्विण्ण-काम (विरक्त) हो गया हूं। मैं प्रव्रजित होऊंगा। माता! मुझे आप अनुज्ञा दें।''

११. अम्मताय! मए भोगा, भुत्ता विसफलोवमा।

पच्छा कडुयविवागा, अणुबंधदुहावहा।।

''माता-पिता! मैं भोगों को भोग चुका हूं। ये भोग विष-तुल्य हैं, इनका परिणाम कटु होता है और ये निरन्तर दु:ख देने वाले हैं।''१२

१२. इमं सरीरं अणिच्चं, असुइं असुइसंभवं।

असासयावासमिणं, दुक्खकेसाण भायणं।।

''यह शरीर अनित्य है, अशुचि है, अशुचि से उत्पन्न है, आत्मा का यह अशाश्‍वत आवास है तथा दु:ख और क्लेशों का१३ भाजन है।''

१३. असासए सरीरम्मि, रइं नोवलभामहं।

पच्छा पुरा व चइयव्वे, फेणबुब्बुयसन्निभे।।

''इस अशाश्‍वत-शरीर में मुझे आनन्द नहीं मिल रहा है। इसे पहले या पीछे जब कभी छोड़ना है। यह पानी के बुलबुले के समान नश्‍वर है।''

१४. माणुसत्ते असारम्मि, वाहीरोगाण आलए।

जरामरणघत्थम्मि, खणं पि न रमामहं।।

''मनुष्य-जीवन असार है, व्याधि और रोगों का१४ घर है, जरा और मरण से ग्रस्त है। इसमें मुझे एक क्षण भी आनन्द नहीं मिल रहा है।''

१५. जम्मं दुक्खं जरा दुक्खं, रोगा य मरणाणि य।

अहो दुक्खो हु संसारो, जत्थ कीसंति जंतवो।।

''जन्म दु:ख है, बुढ़ापा दु:ख है, रोग दु:ख है और मृत्यु दु:ख है। अहो! संसार दु:ख ही है, जिसमें जीव क्लेश पा रहे हैं।''

१६. खेत्तं वत्थुं हिरण्णं च, पुत्तदारं च बंधवा।

चइत्ताणं इमं देहं, गंतव्वमवसस्स मे।।

''भूमि, घर, सोना, पुत्र, स्त्री, बान्धव और इस शरीर को छोड़कर मुझे अवश हो चले जाना है।''

१७. जहा किंपागफलाणं, परिणामो न सुंदरो।

एवं भुत्ताण भोगाणं, परिणामो न सुंदरो।।

''जिस प्रकार किम्पाक-फल१५ खाने का परिणाम सुन्दर नहीं होता उसी प्रकार भोगे हुए भोगों का परिणाम भी सुन्दर नहीं होता।''

१८. अद्धाणं जो महंतं तु, अपाहेओ पवज्जई।

गच्छंतो सो दुही होई, छुहातण्हाए पीडिओ।।

''जो मनुष्य लम्बा मार्ग लेता है और साथ में सम्बल नहीं लेता, वह भूख और प्यास से पीड़ित होकर चलता हुआ दु:खी होता है।''

१९. एवं धम्मं अकाऊणं, जो गच्छइ परं भवं।

गच्छंतो सो दुही होइ, वाहीरोगेहिं पीडिओ।।

''इसी प्रकार जो मनुष्य धर्म किए बिना परभव में जाता है वह व्याधि और रोग से पीड़ित होकर जीवन-यापन करता हुआ दु:खी होता है।''

२०. अद्धाणं जो महंतं तु, सपाहेओ पवज्जई।

गच्छंतो सो सुही होइ, छुहातण्हाविवज्जिओ।।

''जो मनुष्य लम्बा मार्ग लेता है, किन्तु सम्बल के साथ, वह भूख-प्यास से रहित हो कर चलता हुआ सुखी होता है।''

२१. एवं धम्मं पि काऊणं, जो गच्छइ परं भवं।

गच्छंतो सो सुही होइ, अप्पकम्मे अवेयणे।।

''इसी प्रकार जो मनुष्य धर्म की आराधना कर परभव में जाता है, वह अल्पकर्म वाला और वेदना रहित होकर जीवन-यापन करता हुआ सुखी होता है।''

२२. जहा गेहे पलित्तम्मि, तस्स गेहस्स जो पहू।

सारभंडाणि नीणेइ, असारं अवउज्झइ।।

''जैसे घर में आग लग जाने पर उस घर का जो स्वामी होता है, वह मूल्यवान् वस्तुओं को उसमें से निकालता है और मूल्यहीन वस्तुओं को वहीं छोड़ देता है।''

२३. एवं लोए पलित्तम्मि, जराए मरणेण य।

अप्पाणं तारइस्सामि, तुब्भेहिं अणुमन्निओ।।

''इसी प्रकार यह लोक जरा और मृत्यु से प्रज्वलित हो रहा है। मैं आपकी आज्ञा पाकर उसमें से अपने आपको निकालूंगा!''

२४. तं बिंतम्मापियरो, सामण्णं पुत्त! दुच्चरं।

गुणाणं तु सहस्साइं, धारेयव्वाइं भिक्खुणो।।

माता-पिता ने उससे कहा—''पुत्र! श्रामण्य का आचरण बहुत कठिन है। भिक्षु को हजारों गुण१६ धारण करने होते हैं।''

२५. समया सव्वभूएसु, सत्तुमित्तेसु वा जगे।

पाणाइवायविरई, जावज्जीवाए दुक्करा।।

''विश्‍व के शत्रु और मित्र सभी जीवों के प्रति समभाव रखना और यावज्जीवन प्राणातिपात की विरति करना बहुत ही कठिन कार्य है।''

२६. निच्चकालप्पमत्तेणं, मुसावायविवज्जणं।

भासियव्वं हियं सच्चं, निच्चाउत्तेण दुक्करं।।

''सदा अप्रमत्त रह कर मृषावाद का वर्जन करना और सतत सावधान रह कर हितकारी सत्य वचन बोलना बहुत ही कठिन कार्य है।''

२७. दंतसोहणमाइस्स, अदत्तस्स विवज्जणं।

अणवज्जेसणिज्जस्स, गेण्हणा अवि दुक्करं।।

''दतौन जितना वस्तुखंड भी१७ बिना दिए न लेना और ऐसी दत्त वस्तु भी वही लेना, जो अनवद्य और एषणीय हो—बहुत ही कठिन कार्य है।''

२८. विरई अबंभचेरस्स, कामभोगरसण्णुणा।

उग्गं महव्वयं बंभं, धारेयव्वं सुदुक्करं।।

''काम-भोग का रस जानने वाले व्यक्ति के लिए अब्रह्मचर्य की विरति करना और उग्र ब्रह्मचर्य महाव्रत को धारण करना बहुत ही कठिन कार्य है।''१८

२९. धणधन्नपेसवग्गेसु, परिग्गहविवज्जणं।

सव्वारंभपरिच्चाओ, निम्ममत्तं सुदुक्करं।।

''धन-धान्य१९ और प्रेष्य-वर्ग के परिग्रहण२० का वर्जन करना, सब आरम्भों (द्रव्य की उत्पत्ति के व्यापारों) और ममत्व का त्याग करना बहुत ही कठिन कार्य है।''

३०. चउव्विहे वि आहारे, राईभोयणवज्जणा।

सन्निहीसंचओ चेव, वज्जेयव्वो सुदुक्करो।।

''चतुर्विध आहार को रात में खाने का त्याग करना तथा सन्निधि और संचय का वर्जन करना बहुत ही कठिन कार्य है।''

३१. छुहा तण्हा य सीउण्हं, दंसमसगवेयणा।

अक्कोसा दुक्खसेज्जा य, तणफासा जल्लमेव य।।

''भूख, प्यास, सर्दी, गर्मी, डांस और मच्छरों का कष्ट, आक्रोश-वचन, कष्टप्रद उपाश्रय, घास का बिछौना, मैल,

३२. तालणा तज्जणा चेव, वहबंधपरीसहा।

दुक्खं भिक्खायरिया, जायणा य अलाभया।।

ताड़ना, तर्जना, बध, बन्धन२१ का कष्ट, भिक्षा-चर्या, याचना और अलाभ—इन्हें सहन करना बहुत ही कठिन कार्य है।''

३३. कावोया जा इमा वित्ती, केसलोओ य दारुणो।

दुक्खं बंभवयं घोरं, धारेउं अ महप्पणो।।

''यह जो कापोती-वृत्ति२२ (कबूतर के समान दोष-भीरु वृत्ति), दारुण केश-लोच२३ और घोर ब्रह्मचर्य को धारण करना है,२४ वह महान् आत्माओं के लिए भी दुष्कर है।''

३४. सुहोइओ तुमं पुत्ता!, सुकुमालो सुमज्जिओ।

न हु सी पभू तुमं पुत्ता!, सामण्णमणुपालिउं।।

''पुत्र! तू सुख भोगने योग्य है, सुकुमार है, साफ-सुथरा रहने वाला है।२५ पुत्र! तू श्रामण्य का पालन करने के लिए समर्थ नहीं है।''

३५. जावज्जीवमविस्सामो, गुणाणं तु महाभरो।

गुरुओ लोहभारो व्व, जो पुत्ता! होइ दुव्वहो।।

''पुत्र! श्रामण्य में जीवन पर्यन्त विश्राम नहीं है। यह गुणों का महान् भार है। भारी भरकम लोह-भार की भांति इसे उठाना बहुत ही कठिन है।''

३६. आगासे गंगसोउ व्व, पडिसोओ व्व दुत्तरो।

बाहाहिं सागरो चेव, तरियव्वो गुणोयही।।

''आकाश-गंगा के स्त्रोत,२६ प्रति-स्त्रोत और भुजाओं से सागर को तैरना जैसे कठिन कार्य है वैसे ही गुणोदधि-संयम को तैरना कठिन कार्य है।''

३७. वालुयाकवले चेव, निरस्साए उ संजमे।

असिधारागमणं चेव, दुक्करं चरिउं तवो।।

''संयम बालू के कोर की तरह स्वाद-रहित है। तप का आचरण करना तलवार की धार पर चलने जैसा है।''

३८. अहीवेगंतदिट्ठीए, चरित्ते पुत्त दुच्चरे।

जवा लोहमया चेव, चावेयव्वा सुदुक्करं।।

''पुत्र! सांप जेसे एकाग्रदृष्टि से२७ चलता है, वैसे एकाग्रदृष्टि से चारित्र का पालन करना बहुत ही कठिन कार्य है। लोहे के यवों को चबाना जैसे कठिन है वैसे ही चारित्र की पालना कठिन है।''

३९. जहा अग्गिसिहा दित्ता, पाउं होइ सुदुक्करं।

तह दुक्करं करेउं जे, तारुण्णे समणत्तणं।।

''जैसे प्रज्वलित अग्‍नि-शिखा को२८ पीना बहुत ही कठिन कार्य है वैसे ही यौवन में श्रमण-धर्म का पालन करना कठिन है।''

४०. जहा दुक्खं भरेउं जे, होइ वायस्स कोत्थलो।

तहा दुक्खं करेउं जे, कीवेणं समणत्तणं।।

''जैसे वस्त्र के थैले को२९ हवा से भरना कठिन कार्य है वैसे ही सत्वहीन व्यक्ति के लिए श्रमण-धर्म का पालन करना कठिन कार्य है।''

४१. जहा तुलाए तोलेउं, दुक्करं मंदरो गिरी।

तहा निहुयं नीसंकं, दुक्करं समणत्तणं।।

''जैसे मेरु-पर्वत को तराजू से तौलना बहुत ही कठिन कार्य है वैसे ही निश्‍चल और निर्भय भाव से श्रमण-धर्म का पालन करना बहुत ही कठिन कार्य है।''

४२. जहा भुयाहिं तरिउं, दुक्करं रयणागरो।

तहा अणुवसंतेणं, दुक्करं दमसागरो।।

''जैसे समुद्र को भुजाओं से तैरना बहुत ही कठिन कार्य है, वैसे ही उपशमहीन व्यक्ति के लिए दमरूपी समुद्र को तैरना बहुत ही कठिन कार्य है।''

४३. भुंज माणुस्सए भोगे, पंचलक्खणए तुमं।

भुत्तभोगी तओ जाया!, पच्छा धम्मं चरिस्ससि।।

''पुत्र! तू मनुष्य सम्बन्धी पांच इन्द्रियों के भोगों का भोग कर। फिर भुक्त-भोगी होकर मुनि-धर्म का आचरण करना।''

४४. तं बिंतम्मापियरो, एवमेयं जहा फुडं।

इह लोए निप्पिवासस्स, नत्थि किंचि वि दुक्करं।।

मृगापुत्र ने कहा३०—''माता-पिता! जो आपने कहा वह सही है किन्तु जिस व्यक्ति की ऐहिक सुखों की प्यास बुझ चुकी है उसके लिए कुछ भी दुष्कर नहीं है।''

४५. सारीरमाणसा चेव, वेयणाओ अणंतसो।

मए सोढाओ भीमाओ, असइं दुक्खभयाणि य।।

''मैंने भयंकर शारीरिक और मानसिक वेदनाओं को अनन्त बार सहा है और अनेक बार दु:ख एवं भय का अनुभव किया है।''

४६. जरामरणकंतारे, चाउरंते भयागरे।

मए सोढाणि भीमाणि, जम्माणि मरणाणि य।।

''मैंने चार अन्त वाले३१ और भय के आकर जन्म-मरणरूपी जंगल में भयंकर जन्म-मरणों को सहा है।''

४७. जहा इहं अगणी उण्हो, एत्तोणंतगुणे तहिं।

नरएसु वेयणा उण्हा, अस्साया वेइया मए।।

''जैसे यहां अग्‍नि उष्ण है, इससे अनन्त गुना अधिक दु:खमय उष्ण-वेदना वहां नरक में मैंने सही है।''३२

४८. जहा इमं इहं सीयं, एत्तोणंतगुणं तहिं।

नरएसु वेयणा सीया, अस्साया वेइया मए।।

''जैसे यहां यह शीत है, इससे अनन्त गुना अधिक दु:खमय शीत-वेदना वहां नरक में मैंने सही है।''

४९. कंदंतो कंदुकुंभीसु, उड्ढपाओ अहोसिरो।

हुयासणे जलंतम्मि, पक्कपुव्वो अणंतसो।।

''पकाने के पात्र में,३३ जलती हुई अग्‍नि में३४ पैरों को ऊंचा और सिर को नीचा कर आक्रन्दन करता हुआ मैं अनन्त बार पकाया गया हूं।''

५०. महादवग्गिसंकासे, मरुम्मि वइरवालुए।

कलंबवालुयाए य, दड्ढपुव्वो अणंतसो।।

''महा दवाग्‍नि तथा मरु-देश और वज्रबालुका जैसी कदम्ब नदी के बालु में३५ मैं अनन्त बार जलाया गया हूं।''

५१. रसंतो कंदुकुंभीसु, उड्ढं बद्धो अबंधवो।

करवत्तकरकयाईहिं, छिन्नपुव्वो अणंतसो।।

''मैं पाक-पत्र में त्राण रहित होकर आक्रन्द करता हुआ ऊंचा बांधा गया और करवत और आरा आदि के द्वारा अनन्त बार छेदा गया हूं।''३६

५२. अइतिक्खकंटगाइण्णे, तुंगे सिंबलिपायवे।

खेवियं पासबद्धेणं, कड्ढोकड्ढाहिं दुक्करं।।

''अत्यन्त तीखे कांटों वाले ऊंचे शाल्मलि वृक्ष पर३७ पाश से बांध, इधर-उधर खींच कर असह्य वेदना से मैं खिन्न किया गया हूं।''

५३. महाजंतेसु उच्छू वा, आरसंतो सुभेरवं।

पीलिओ मि सकम्मेहिं, पावकम्मो अणंतसो।।

''पापकर्मा मैं अति भयंकर आक्रन्द करता हुआ अपने ही कर्मों द्वारा महायन्त्रों में ऊख की भांति अनन्त बार पेरा गया हूं।''

५४. कूवंतो कोलसुणएहिं, सामेहिं सबलेहि य।

पाडिओ फालिओ छिन्नो, विप्फुरंतो अणेगसो।।

''मैं इधर-उधर जाता और आक्रन्द करता हुआ काले और चितकबरे सूअर एवं कुत्तों के द्वारा अनेक बार गिराया, फाड़ा और काटा गया हूं।''३८

५५. असीहिं अयसिवण्णाहिं, भल्लीहिं पट्टिसेहि य।

छिन्नो भिन्नो विभिन्नो य, ओइण्णो पावकम्मुणा।।

''पाप-कर्मों के द्वारा नरक में अवतरित हुआ मैं अलसी के फूलों के समान नीले रंग वाली तलवारों, भल्लियों और लोहदण्डों३९ के द्वारा छेदा, भेदा और छोट-छोटे टुकड़ों में विभक्त किया गया हूं।''

५६. अवसो लोहरहे जुत्तो, जलंते समिलाजुए।

चोइओ तोत्तजुत्तेहिं, रोज्झो वा जह पाडिओ।।

''युग-कीलक (जुए के छेदों में डाली जाने वाली लकड़ी की कीलों) से युक्त जलते हुए लोह-रथ में परवश बना हुआ मैं जोता गया, चाबुक और रस्सी के द्वारा४० हांका गया तथा रोझ४१ की भांति भूमि पर गिराया गया हूं।''

५७. हुयासणे जलंतम्मि, चियासु महिसो विव।

दड्ढो पक्को य अवसो, पावकम्मेहि पाविओ।।

''पाप-कर्मों से घिरा४२ और परवश हुआ मैं भैंसे की भांति४३ अग्‍नि की जलती हुई चिताओं में जलाया और पकाया गया हूं।''

५८. बला संडासतुंडेहिं, लोहतुंडेहि पक्खिहिं।

विलुत्तो विलवंतो हं, ढंकगिद्धेहिणंतसो।।

''संडासी जैसी चोंच वाले और लोहे जैसी कठोर चोंच वाले ढंक४४ और गीध पक्षियों४५ के द्वारा, विलाप करता हुआ मैं, बल-प्रयोग पूर्वक अनन्त बार नोचा गया हूं।''

५९. तण्हाकिलंतो धावंतो, पत्तो वेयरणिं नदिं।

जलं पाहिं ति चिंतंतो, खुरधाराहिं विवाइओ।।

''प्यास से पीड़ित होकर मैं दौड़ता हुआ वैतरणी नदी पर पहुंचा। जल पीऊंगा—यह सोच रहा था, इतने में छूरे की धार से४६ चीरा गया।''

६०. उण्हाभितत्तो संपत्तो, असिपत्तं महावणं।

असिपत्तेहिं पडंतेहिं, छिन्नपुव्वो अणेगसो।।

''गर्मी से संतप्त होकर असि-पत्र महावन में गया। वहां गिरते हुए तलवार के समान तीखे पत्तों से अनेक बार छेदा गया हूं।''

६१. मुग्गरेहिं मुसंढीहिं, सूलेहिं मुसलेहि य।

गयासं भग्गगत्तेहिं, पत्तं दुक्खं अणंतसो।।

''मुद्गरों, मुसुण्डियों,४७ शूलों और मुसलों से त्राण-हीन दशा में मेरा शरीर चूर-चूर किया गया—इस प्रकार मैं अनन्त बार दु:ख को प्राप्त हुआ हूं।''

६२. खुरेहिं तिक्खधारेहिं, छुरियाहिं कप्पणीहि य।

कप्पिओ फालिओ छिन्नो, उक्कत्तो य अणेगसो।।

''तेज धार वाले छूरों, छुरियों और कैचियों से मैं अनेक बार खण्ड-खण्ड किया गया, दो टूक किया गया और छेदा गया हूं तथा मेरी चमड़ी उतारी गयी है।''

६३. पासेहिं कूडजालेहिं, मिओ वा अवसो अहं।

वाहिओ बद्धरुद्धो अ, बहुसो चेव विवाइओ।।

''पाशों और कूटजालों द्वारा मृग की भांति परवश बना हुआ मैं अनेक बार ठगा गया, बांधा गया, रोका गया और मारा गया हूं।''

६४. गलेहिं मगरजालेहिं, मच्छो वा अवसो अहं

उल्लिओ फालिओ गहिओ, मारिओ य अणंतसो।।

''मछली के फंसाने की कंटियों और मगरों को पकड़ने के जालों के द्वारा मत्स्य की तरह परवश बना हुआ मैं अनन्त बार खींचा, फाड़ा, पकड़ा और मारा गया हूं।''

६५. वीदंसएहि जालेहिं, लेप्पाहिं सउणो विव।

गहिओ लग्गो बद्धो य, मारिओ य अणंतसो।।

''बाज पक्षियों, जालों और वज्रलेपों के द्वारा पक्षी की भांति मैं अनन्त बार पकड़ा, चिपकाया, बांधा और मारा गया हूं।''

६६. कुहाडफरसुमाईहिं, वड्ढईहिं दुमो विव।

कुट्टिओ फालिओ छिन्नो, तच्छिओ य अणंतसो।।

''बढ़ई के द्वारा वृक्ष की भांति कुल्हाड़ी और फरसा आदि के द्वारा मैं अनन्त बार कूटा, दो टूक किया, छेदा और छीला गया हूं।''

६७. चवेडमुट्ठिमाईहिं, कम्मारेहिं अयं पिव।

ताडिओ कुट्टिओ भिन्नो, चुण्णिओ य अणंतसो।।

''लोहार के द्वारा४८ लोहे की भांति चपत और मुट्ठी आदि के द्वारा मैं अनन्त बार पीटा, कूटा, भेदा और चूरा किया गया हूं।''

६८. तत्ताइं तंबलोहाइं, तउयाइं सीसयाणि य।

पाइओ कलकलंताइं, आरसंतो सुभेरवं।।

''भयंकर आक्रन्द करते हुए मुझे गर्म और कलकल शब्द करता हुआ तांबा, लोहा, रांगा और सीसा पिलाया गया।''

६९. तुहं पियाइं मंसाइं, खंडाइं सोल्लगाणि य।

खाविओ मि समंसाइं, अग्गिवण्णाइं णेगसो।।

''तुझे खण्ड किया हुआ और शूल में खोंस कर पकाया हुआ मांस प्रिय था—यह याद दिलाकर मेरे शरीर का मांस काट अग्‍नि जैसा लाल कर मुझे खिलाया गया।''

७०. तुहं पिया सुरा सीहू, मेरओ य महूणि य।

पाइओ मि जलंतीओ, वसाओ रुहिराणि य।।

''तुझे सुरा, सीधु, मैरेय और मधु—ये मदिराएं प्रिय थीं—यह याद दिलाकर मुझे जलती हुई चर्बी और रुधिर पिलाया गया।''

७१. निच्चं भीएण तत्थेण, दुहिएण वहिएण य।

परमा दुहसंबद्धा, वेयणा वेइया मए।।

''सदा भयभीत, संत्रस्त, दु:खित और व्यथित रूप में रहते हुए मैंने परम दु:खमय वेदना का अनुभव किया है।''

७२. तिव्वचंडप्पगाढाओ, घोराओ अइदुस्सहा।

महब्भयाओ भीमाओ, नरएसु वेइया मए।।

''तीव्र, चण्ड, प्रगाढ़, घोर,४९ अत्यन्त दु:सह, भीम और अत्यन्त भयंकर वेदनाओं का मैंने नरक-लोक में अनुभव किया है।''

७३. जारिसा माणुसे लोए, ताया! दीसंति वेयणा।

एत्तो अणंतगुणिया, नरएसु दुक्खवेयणा।।

''माता-पिता! मनुष्य लोक में जैसी वेदना है उससे अनन्तगुना अधिक दु:ख देने वाली वेदना नरक-लोक में है।''

७४. सव्वभवेसु अस्साया, वेयणा वेइया मए।

निमेसंतरमित्तं पि, जं साया नत्थि वेयणा।।

''मैंने सभी जन्मों में दु:खमय वेदना का अनुभव किया है। वहां एक निमेष का अन्तर पड़े उतनी भी सुखमय वेदना नहीं है।''५०

७५. तं बिंतम्मापियरो, छंदेणं पुत्त! पव्वया।

नवरं पुण सामण्णे, दुक्खं निप्पडिकम्मया।।

माता-पिता ने उससे कहा—''पुत्र! तुम्हारी इच्छा है तो प्रव्रजित हो जाओ। परन्तु श्रमण बनने के बाद रोगों की चिकित्सा नहीं की जाती,५१ यह कितना कठिन मार्ग है। (यह जानते हो?)''

७६. सो बिंतम्मापियरो!, एवमेयं जहाफुडं।

पडिकम्मं को कुणई, अरण्णे मियपक्खिणं?।।

उसने कहा—''माता-पिता! आपने जो कहा वह ठीक है। किन्तु जंगल में रहने वाले हरिण५२और पक्षियों की चिकित्सा कौन करता है?''५३

७७. एगभूओ अरण्णे वा, जहा उ चरई मिगो।

एवं धम्मं चरिस्सामि, संजमेण तवेण य।।

''जैसे जंगल में हरिण अकेला विचरता है, वैसे मैं भी संयम और तप के साथ एकाकी भाव को प्राप्त कर धर्म का आचरण करूंगा।''

७८. जया मिगस्स आयंको, महारण्णम्मि जायई।।

अच्छंतं रुक्खमूलम्मि, को णं ताहे तिगिच्छई?।।

''जब महावन में५४ हरिण के शरीर में आतंक—रोग उत्पन्न होता है तब किसी वृक्ष के पास बैठे हुए उस हरिण की कौन चिकित्सा करता है?''

७९. को वा से ओसहं देई?, को वा से पुच्छई सुहं?।

को से भत्तं च पाणं च, आहरित्तु पणामए?।।

''कौन उसे औषध देता है? कौन उससे सुख की बात पूछता है? कौन उसे खाने-पीने को भक्त-पान लाकर देता है?''५५

८०. जया य से सुही होइ, तया गच्छइ गोयरं।।

भत्तपाणस्स अट्ठाए, वल्लराणि सराणि य।।

''जब वह स्वस्थ हो जाता है तब गोचर में जाता है। खाने-पीने के लिए लता-निकुंजों और जलाशयों में५६ जाता है।''

८१. खाइत्ता पाणियं पाउं, वल्लरेहिं सरेहि वा।

मिगचारियं चरित्ताणं, गच्छई मिगचारियं।।

''लता-निकुंजों और जलाशयों में खा-पीकर वह मृगचर्या (कुदान) के द्वारा मृगचर्या (स्वतन्त्र-विहार) को चला जाता है।''५७

८२. एवं समुट्ठिओ भिक्खू, एवमेव अणेगओ।

मिगचारियं चरित्ताणं, उड्ढं पक्कमई दिसं।।

''इसी प्रकार संयम के लिए उठा हुआ भिक्षु स्वतंत्र विहार५८ करता हुआ मृगचर्या का आचरण कर ऊंची दिशा—मोक्ष को चला जाता है।''

८३. जहा मिगे एग अणेगचारी, अणेगवासे धुवगोयरे य।

एवं मुणी गोयरियं पविट्ठे, नो हीलए नो वि य खिंसएज्जा।।

''जिस प्रकार हरिण अकेला अनेक स्थानों से भक्त-पान लेने वाला, अनेक स्थानों में रहने वाला ओर गोचर से ही जीवन-यापन करने वाला५९होता है, उसी प्रकार गोचर-प्रविष्ट मुनि जब भिक्षा के लिए जाता है तब किसी की अवज्ञा और निन्दा नहीं करता।''

८४. मियचारियं चरिस्सामि, एवं पुत्ता! जहासुहं।

अम्मापिऊहिंणुण्णाओ, जहाइ उवहिं तओ।।

(मृगापुत्र ने कहा—) ''मैं मृगचर्या का आचरण करूंगा।'' (माता-पिता ने कहा—) ''पुत्र! जैसे तुम्हें सुख हो वैसे करो।'' इस प्रकार माता-पिता की अनुमति पाकर वह उपधि६० को छोड़ रहा है।

८५. मियचारियं चरिस्सामि, सव्वदुक्खविमोक्खणिं।

तुब्भेहिं अम्मणुण्णाओ, गच्छ पुत्त! जहासुहं।।

''मैं तुम्हारी अनुमति पाकर सब दु:खों से मुक्ति दिलाने वाली मृगचर्या का आचरण करूंगा।'' (माता-पिता ने कहा—) ''पुत्र! जैसे तुम्हें सुख हो वैसे करो।''

८६. एवं सो अम्मापियरो, अणुमाणित्ताण बहुविहं।

ममत्तं छिंदई ताहे, महानागो व्व कंचुयं।।

''इस प्रकार वह नाना उपायों से माता-पिता को अनुमति के लिए राजी कर ममत्व का छेदन कर रहा है जैसे महानाग कांचुली का छेदन करता है।''

८७. इड्ढिं वित्तं च मित्ते य, पुत्तदारं च नायओ।

रेणुयं व पडे लग्गं, निद्धुणित्ताण निग्गओ।।

''ऋद्धि, धन, मित्र, पुत्र, कलत्र और ज्ञाति-जनों को कपड़े पर लगी हुई धूलि की भांति झटकाकर वह निकल गया—प्रव्रजित हो गया।''

८८. पंचमहव्वयजुत्तो, पंचसमिओ तिगुत्तिगुत्तो य।

सब्भिंतरबाहिरओ, तवोकम्मंसि उज्जुओ।।

''वह पांच महाव्रतों से युक्त, पांच समितियों से समित, तीन गुप्तियों से गुप्त, आंतरिक और बाहरी तपस्या में तत्पर—''

८९. निम्ममो निरहंकारो, निस्संगो चत्तगारवो।

समो य सव्वभूएसु, तसेसु थावरेसु य।।

''ममत्व रहित, अहंकार रहित, निर्लेप, गौरव को त्यागने वाला, त्रस और स्थावर सभी जीवों में समभाव रखने वाला—''

९०. लाभालाभे सुहे दुक्खे, जीविए मरणे तहा।

समो निंदापसंसासु, तहा माणावमाणओ।।

''लाभ-अलाभ, सुख-दु:ख, जीवन-मरण, निन्दा-प्रशंसा, मान-अपमान में सम रहने वाला—''

९१. गारवेसु कसाएसु, दंडसल्लभएसु य।

नियत्तो हाससोगाओ, अनियाणो अबंधणो।।

''गौरव, कषाय, दण्ड, शल्य, भय,६१ हास्य और शोक से निवृत्त, निदान और बन्धन से रहित—''

९२. अणिस्सिओ इहं लोए, परलोए अणिस्सिओ।

वासीचंदणकप्पो य, असणे अणसणे तहा।।

''इहलोक और परलोक में अनासक्त, वसूले से काटने और चन्दन लगाने पर६२ तथा आहार मिलने या न मिलने पर६३ सम रहने वाला—''

९३. अप्पसत्थेहिं दारेहिं, सव्वओ पिहियासवे।

अज्झप्पज्झाणजोगेहिं, पसत्थदमसासणे।।

अप्रशस्त द्वारों से आने वाले६४ कर्म-पुद्गलों का सर्वतोनिरोध करने वाला, अध्यात्मध्यान-योग के द्वारा प्रशस्त एवं उपशम-प्रधान शासन में रहने वाला हुआ।६५

९४. एवं नाणेण चरणेण, दंसणेण तवेण य।

भावणाहि य सुद्धाहिं, सम्मं भावेत्तु अप्पयं।।

''इस प्रकार ज्ञान, चारित्र, तप और विशुद्ध भावनाओं के द्वारा६६ आत्मा को भली-भांति भावित कर—''

९५. बहुयाणि उ वासाणि, सामण्णमणुपालिया।

मासिएण उ भत्तेण, सिद्धिं पत्तो अणुत्तरं।।

''बहुत वर्षों तक श्रमण-धर्म का पालन कर, अन्त में एक महीने का अनशन कर वह अनुत्तर सिद्धि—मोक्ष को प्राप्त हुआ।''

९६. एवं करंति संबुद्धा, पंडिया पवियक्खणा।

विणियट्टंति भोगेसु, मियापुत्ते जहारिसी।।

''संबुद्ध, पण्डित और प्रविचक्षण जो होते हैं वे ऐसा करते हैं। वे भोगों से उसी प्रकार निवृत्त होते हैं, जिस प्रकार मृगापुत्र ऋषि हुए थे।''

९७. महापभावस्स महाजसस्स, मियाइ पुत्तस्स निसम्म भासियं।

तवप्पहाणं चरियं च उत्तमं, गइप्पहाणं च तिलोगविस्सुयं।।

''महा प्रभावशाली, महान् यशस्वी मृगापुत्र का६७ कथन, तप-प्रधान उत्तम-आचरण और त्रिलोक-विश्रुत प्रधान गति (मोक्ष) को सुनकर—''६८

९८. वियाणिया दुक्खविवद्धणं धणं, ममत्तबंधं च महब्भयावहं।

सुहावहं धम्मधुरं अणुत्तरं, धारेह निव्वाणगुणावहं महं।।

''धन को दु:ख बढ़ाने वाला और ममता के बन्धन को महान् भयंकर जानकर, सुख देने वाली, अनुत्तर निर्वाण के गुणों को प्राप्त कराने वाली,६९ महान् धर्म की धुरा को धारण करो।''

—ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन १९ : मृगापुत्रीय

१. कानन और उद्यान (काणणुज्जाण)

कानन वह होता है जहां बड़े वृक्ष हों। उद्यान का अर्थ है—क्रीडा-वन। वृत्तिकार ने उद्यान का अर्थ 'आराम' भी किया है। आराम जन-साधारण के घूमने-फिरने का स्थान होता था। क्रीडा-वन ऐसा स्थान था जहां नौका-विहार, खेल-कूद तथा अन्यान्य क्रीडा सामग्री की सुलभता रहती थी।

देखें—दसवेआलियं ६।१ का टिप्पण

२. बलश्री (बलसिरी)

मृगापुत्र के दो नाम थे—बलश्री और मृगापुत्र। 'बलश्री' माता-पिता द्वारा दिया हुआ नाम था और जन-साधारण में वह 'मृगापुत्र' के नाम से प्रसिद्ध था।

३. युवराज (जुवराया)

राजाओं में यह परम्परा थी कि बड़ा पुत्र ही राज्य का अधिकारी होता था। जब वह राज्य का कार्यभार संभालने में समर्थ हो जाता तब उसको 'युवराज पद' दे दिया जाता। वह राज्य पद की पूर्व-स्वीकृति का वाचक है।

प्राचीन साहित्य में यह मिलता है कि राज्याभिषेक से पूर्व 'युवराज' भी एक मन्त्री होता था, जो राजा को राज्य-संचालन में सहायता देता था। उसकी विशेष मुद्रा होती थी और उसकी पदवी का सूचक एक निश्‍चित पद होता था।

'युवराज' को 'तीर्थ' भी कहा गया है। कौटिल्य ने अपने अर्थशास्त्र में १८ तीर्थ गिनाएं हैं, उनमें 'युवराज' का उल्लेख भी हुआ है। तीर्थ का अर्थ है—महा अमात्य।

४. दमीश्‍वर (दमीसरे)

शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ दिए हैं—

(१) उद्धत व्यक्तियों का दमन करने वाला राजाओं का ईश्‍वर।

(२) उपशमशील व्यक्तियों का ईश्‍वर।

प्रथम अर्थ वार्तमानिक अवस्था का बोधक है और दूसरा भविष्यकाल की अपेक्षा से कहा गया है।

नेमिचन्द्र ने केवल द्वितीय अर्थ ही किया है।

५. दोगुन्दग (दोगुंदगो)

'दोगुन्दग' त्रायस्त्रिंश जाति के देव होते हैं। वे सदा भोग-परायण होते हैं। उनकी विशेष जानकारी के लिए देखें—भगवती, १०।४।

६. मणि और रत्‍न (मणिरयण)

सामान्यत: मणि और रत्‍न पर्यायवाची माने जाते हैं। वृत्तिकार ने इनमें यह भेद किया है कि विशिष्ट माहात्म्य युक्त रत्‍नों को 'मणि' कहते हैं, जैसे चन्द्रकांतमणि, सूर्यकान्तमणि आदि-आदि तथा शेष गोमेदक आदि 'रत्‍न' कहलाते हैं।

७. गवाक्ष (आलोयण)

दशवैकालिक, ५।१।१५ में गवाक्ष के अर्थ में 'आलोय' का प्रयोग हुआ है। यहां उसी अर्थ में 'आलोयण' शब्द है।

शान्त्याचार्य ने इसका एक अर्थ 'सबसे ऊंची चतुरिका' भी किया है। गवाक्ष या चतुरिका से दिशाओं का अवलोकन किया जा सकता है, इसलिए उसे 'आलोकन' कहा जाता है।

८. नियम (नियम)

महाव्रत, व्रत, नियम—ये सभी साधारणतया संवर के वाचक हैं। किन्तु रूढ़िवशात् इनमें अर्थ-भेद भी है। योग-दर्शन सम्मत अष्टांग योग में नियम का दूसरा स्थान है। उसके अनुसार शौच, संतोष, स्वाध्याय, तप और देवताप्रणिधान—ये नियम कहलाते हैं।

जैन व्याख्या के अनुसार जिन व्रतों में जाति, देश, काल, समय आदि का अपवाद नहीं रहता, वे 'महाव्रत' कहलाते हैं। जो व्रत अपवाद सहित होते हैं, वे 'व्रत' कहलाते हैं। ऐच्छिक व्रतों को 'नियम' कहा जाता है।

शान्त्याचार्य ने 'अभिग्रहात्मक व्रत' को 'नियम' कहा है।

९. शील से समृद्ध (सीलड्ढं)

वृत्तिकार ने शील का अर्थ—अष्टादश सहस्र शीलाङ्ग किया है।

देखें—इसी अध्ययन का १६वां टिप्पण।

१०. अध्यवसान (अज्झवसाणम्मि)

बृहद्वृत्ति में अध्यवसान का अर्थ है—अन्त:करण का परिणाम। निशीथ चूर्णि में मन:संकल्प, अध्यवसान और चित्त को एकार्थक माना है। विशेषावश्यकभाष्य में अतिहर्ष और विषाद के कारण चिंतन की जो गहराई होती है उसे अध्यवसान कहा गया है। स्थानांग में अध्यवसान को अकालमृत्यु का एक हेतु माना है। उसका अर्थ है—राग, स्‍नेह और भय आदि की तीव्रता।

'अज्झवसाय और अज्झवसाण' (अध्यवसाय और अध्यवसान)—दोनों शब्द एकार्थक हैं। जहां कहीं जाति-स्मृति और अतीन्द्रिय ज्ञान की प्राप्ति का प्रसंग है वहां 'सुभेणं अज्झवसाणेणं सुभेणं परिणामेणं लेसाहिं विसुज्झमाणाहिं'— पाठ मिलता है। यह उपलब्धि परिणामों की विशुद्धि और सूक्ष्मता से प्राप्त होती है। यह चेतना का सूक्ष्म स्तर है, इसलिए उसका मन के साथ सम्बन्ध नहीं किया जा सकता।

११. (मोहंगयस्स)

जैन धर्म में 'जातिस्मृति'—पूर्वजन्म के स्मरण की विशेष पद्धति है। कोई व्यक्ति पूर्व परिचित व्यक्ति को देखता है, तत्काल चैतसिक संस्कारों में एक हलचल होती है। वह सोचता है कि इस प्रकार का आकार मैंने कहीं देखा है। ईहा, अपोह, मार्गणा और गवेषणा के द्वारा चिन्तन आगे बढ़ता है। मैंने यह कहां देखा? यह कहां है? इस प्रकार की चिंता का एक संघर्ष चलता है। उस समय व्यक्ति सम्मोहन की स्थिति में चला जाता है। उस स्थिति में उसे पूर्वजन्म की स्मृति हो जाती है।

प्रस्तुत श्‍लोक में जाति-स्मरण की प्रक्रिया फलित होती है। उसके तीन अंग हैं—

(१) दृश्य वस्तु या व्यक्ति का साक्षात्कार।

(२) अध्यवसान की शुद्धि।

(३) संमोहन।

देखें—९।१ का टिप्पण।

१२. (श्‍लोक ११)

इस श्‍लोक में भोगों को विषफल से उपमित किया गया है। जिस प्रकार विषफल प्रथम स्वाद में अत्यन्त मधुर होते हैं परन्तु परिणाम काल में अत्यन्त कटुक और दु:खदायी होते हैं, उसी प्रकार भोग भी सेवन-काल में मधुर लगते हैं, परन्तु उनका विपाक कटुक होता है और वे अनवच्छिन्न दु:ख देने वाले होते हैं।

१३. क्लेशों का (...केसाण)

क्लेश शब्द 'क्लिशूश् विबाधने', क्लिशङ्च् उपतापे—इन दोनों धातुओं से निष्पन्न है। इसका अर्थ है—बाधा, सन्ताप और पीड़ा। वृत्तिकार ने क्लेश का अर्थ दु:ख (अप्रिय संवेदन) के हेतुभूत ज्वरादि रोग किया है।

महर्षि पतञ्जलि ने पांच प्रकार के क्लेश माने हैं—अविद्या, अस्मिता, राग, द्वेष और अभिनिवेश। उनके अनुसार क्लेश का अर्थ विपर्यय है।

१४. व्याधि और रोगों का (वाहीरोगाण)

अत्यन्त बाधा उत्पन्न करने वाले कुष्ठ जैसे रोगों को 'व्याधि' कहा जाता है और कदाचित् होने वाले ज्वर आदि को 'रोग' कहा जाता है।

१५. किंपाकफल (किंपागफलाणं)

जैन साहित्य में स्थान-स्थान पर किंपाकफल का उल्लेख है। वह देखने में अति सुन्दर और खाने में अति स्वादिष्ट होता है। उसको खाने का परिणाम है—प्राणान्त। भोगों की विरसता को बताने के लिए प्राय: इसी की उपमा दी जाती है।

वृत्तिकार ने किम्पाक का अर्थ वृक्ष विशेष किया है। उसके फल अति स्वादिष्ट होते हैं। कोषकारों के अनुसार वह एक लता-विशेष है। इसका दूसरा नाम महाकाल लता है। शालिग्रामनिघण्टुभूषण में कारस्कर, किम्पाक, विषतिंदुक विषद्रुम, गरद्रुम, रम्यफल, कुपाक, कालकूटक—इन सबको पर्यायवाची माना है। उसमें कारस्कर वृक्ष का जो वर्णन मिलता है, उसके अनुसार किम्पाक कुचले का वृक्ष है। कारस्कर वृक्ष मध्यम आकार का होता है। वह प्राय: वनों में उगता है। उसके पत्ते पान के समान चौड़े और फल नारंगी के समान होते हैं। उसके बीज कुचला कहलाते हैं। उसका पका फल विषद और पाक में मधुर होता है।

वनस्पतिसृष्टि में किम्पाकफल का वर्णन इस प्रकार है—किंपाकफल अपक्‍व अवस्था में नीले रंग का और पकने पर नारंगी रंग का होता है। उसकी गिरी सहज और मधुर होती है। उसे पक्षी और बन्दर बड़े चाव से खाते हैं। गिरी के अतिरिक्त उसके सब अंग कड़वे होते हैं। उसका सारा फल विषैला होता है। अंग्रेजी में इसके बीजों को स्ट्रिक्निन नक्सवोमिका (Strychnine Nuxvomic) कहते हैं। वे बटन के आकार वाले, मखमल की तरह मुलायम, अति कठोर और बीच में रकाबी जैसे गड्ढे वाले होते हैं।

१६. हजारों गुण (गुणाणं तु सहस्साइं)

वृत्तिकार ने यहां गुण का अर्थ—मुनि जीवन के उपकारी शीलाङ्ग गुण किया है। उनकी संख्या अठारह हजार है—

जे णो करंति मणसा, णिज्जिय आहारसन्ना सोइंदिये।

पुढविकायारंभं खंतिजुत्ते ते मुणी वंदे।।

यह एक गाथा है। दूसरी गाथा में 'खंति' के स्थान पर 'मुत्ति' शब्द आएगा शेष ज्यों का त्यों रहेगा। तीसरे में 'अज्जव' आएगा। इस प्रकार १० गाथाओं में दस धर्मों के नाम क्रमश: आएंगे। फिर ग्यारहवीं गाथा में 'पुढवि' के स्थान पर 'आउ' शब्द आएगा। पुढवि के साथ १० धर्मों का परिवर्तन हुआ था उसी प्रकार 'आउ' शब्द के साथ भी होगा। फिर 'आउ' के स्थान पर क्रमश: 'तेउ', 'वाउ', 'वणस्सइ', 'बेइंदिय', तेइंदिय, 'चतुरिन्दिय', 'पंचेंदिय' और अजीव—ये दश शब्द आएंगे। प्रत्येक के साथ दस धर्मों का परिवर्तन होने से (१० × १०) एक सौ गाथाएं हो जाएगी। इस प्रकार पांच इंद्रियों की (१०० × ५) पांच सौ गाथाएं होंगी। फिर ५०१ में 'आहार सन्ना' के स्थान पर 'भयसन्ना' फिर 'मेहुणसन्ना' और 'परिग्गहसन्ना' शब्द आएंगे। एक संज्ञा के ५०० होने में ४ संज्ञा के (५०० × ४) २००० होंगे। फिर 'मणसा' शब्द का परिवर्तन होगा। 'मणसा' के स्थान पर 'वयसा' फिर 'कायसा' आएगा। एक-एक काय का २००० होने से तीन कायों के (२००० × ३) ६००० होंगे। फिर 'करंति' शब्द में परिवर्तन होगा। 'करंति' के स्थान पर 'कारयंति' और 'समणुजाणंति' शब्द आएंगे। एक-एक के ६००० होने से तीनों के (६००० × ३) १८,००० हो जाएंगे।

ये अठारह हजार शील के अंग हैं। इन्हें रथ से निम्‍न प्रकार उपमित किया जाता है—

१७. दतौन जितना वस्तु-खंड भी (दंतसोहणमाइस्स)

वृत्तिकार ने 'माइस्स' पद में मकार को अलाक्षणिक माना है तथा 'आइ' का संस्कृत रूप 'आदि' किया है। अर्थ की दृष्टि से 'मात्र' शब्द अधिक उपयुक्त है। 'मायस्स'—इसका उच्चारण 'माइस्स' भी हो सकता है। यकार का इकार में परिवर्तन होना सहजगम्य है। इसका संस्कृत रूपान्तरण होगा—दन्तशोधनमात्रस्य।

१८. (श्‍लोक २८)

प्रस्तुत श्‍लोक में ब्रह्मचर्य व्रत को स्वीकार करना अति दुष्कर बतलाया गया है। कामभोगों के रस को जानने वालों के लिए अब्रह्मचर्य से विरत होना कितना दुष्कर है, इस प्रसंग में मुनि स्थूलभद्र जैसा कोई विरल ही उदाहरण मिलता है—

चतुर्मास प्रारम्भ होने को था। स्थूलिभद्र सहित चार मुनि आचार्य संभूतविजय के पास आए। सबने गुरु-चरणों में अपना-अपना निवेदन प्रस्तुत किया। एक ने कहा—गुरुदेव! मैं सिंह की गुफा में अपना चतुर्मास बिताना चाहता हूं। दूसरे ने सांप की बांबी पर साधना करने की इच्छा प्रगट की। तीसरे ने पनघट की चाट पर और चौथे ने कोशा वेश्या की चित्रशाला में रहने की अनुमति चाही। गुरु ने उन्हें स्वीकृति दे दी।

चार मास बीते। सभी निर्विघ्न साधना सम्पन्न कर आचार्य के पास आए। आचार्य ने पहले मुनि को 'दुष्कर कार्य करने वाले' के सम्बोधन से सम्बोधित किया। उसी प्रकार दूसरे, तीसरे मुनि के लिए भी यही सम्बोधन प्रयुक्त किया। किन्तु स्थूलिभद्र को देखते ही आचार्य ने उन्हें दुष्कार-दुष्कर, महादुष्कर कहकर संबोधित किया। तीनों मुनियों को गुरु का यह कथन बहुत अखरा। वे अपनी बात कहें उससे पूर्व ही आचार्य ने उनको समाहित करते हुए कहा—शिष्यों! स्थूलिभद्र कोशा वेश्या की चित्रशाला में रहा। सब प्रकार से सुविधाजनक और चिरपरिचित स्थान, अनुकूल वातावरण, प्रतिदिन षड्रस भोजन का आसेवन और फिर कोशा के हाव-भाव। सब कुछ होते हुए भी क्षण भर के लिए मन का विचलित न होना, काम भोगों के रस को जानते हुए भी ब्रह्मचर्य व्रत की कठोर साधना करना कितना महादुष्कर कार्य है? यह वही कोशा है, जिसके साथ ये बारह वर्ष तक रहे थे। वहां रहकर इन्होंने अपनी साधना ही नहीं की है, अपितु कोशा जैसी वेश्या को भी एक अच्छी श्राविका बनाया है। अत: इनके लिए यह सम्बोधन यथार्थ है।

उनमें से एक मुनि ने गुरु वचनों पर विपरीत श्रद्धा करते हुए कहा—कोशा के यहां रहना कौन सा महादुष्कर कार्य है? वहां तो हर कोई साधना कर सकता है। आप मुझे अनुज्ञा दें, मैं अगला चतुर्मास वहीं बिताऊंगा। आचार्य नहीं चाहते थे कि वह मुनि देखा-देखी ऐसा करे। बार-बार गुरु के निषेध करने पर भी उसने अपना आग्रह नहीं छोड़ा। अन्त में वही हुआ जो होना था। चतुर्मास बिताने के लिए वह कोशा के यहां पहुंच गया।

कुछ दिन बीते। इन्द्रिय विषयों की सुलभता। मनोज्ञ शब्द, मनोज्ञ रूप, मनोज्ञ रस आदि पांचों विषयों ने अपना प्रभाव डाला और उसकी कामवृत्ति जागृत हो गई। अब वह कोशा का सहवास पाने के लिए आतुर था। अवसर देखकर एक दिन उसने अपनी भावना को कोशा के सामने रख दिया। कोशा तो पहले से ही संभली हुई थी। वह नहीं चाहती थी कि कोई मुनि उसके कारण संयम-भ्रष्ट बने। मुनि को सन्मार्ग पर लाने के लिए उसने एक उपाय सोचा। उसने मुनि से कहा—यदि आप मुझे पाना चाहते हैं तो आपको मेरी एक शर्त पूरी करनी होगी। नेपाल से रत्‍नकम्बल को लाना होगा। काम-भावना की अभीप्सा ने मुनि को नेपाल जाने के लिए विवश कर दिया। बरसात का मौसम। मार्गगत सैकड़ों कठिनाइयां और चतुर्मास के बीच विहार। जैसे-तैसे अनेक कष्टों को सहकर मुनि नेपाल पहुंचा और रत्‍नकम्बल लेकर पुन: आ गया। भीतर ही भीतर वह बड़ा प्रसन्न हो रहा था कि आज उसकी मनोभावना सफल होगी।

मुनि ने रत्‍नकम्बल कोशा को दी किन्तु कोशा ने मुनि को देखते-देखते कीचड़ से सने हुए पैरों को रत्‍नकम्बल से पोंछा और उसे नाली में फेंक दिया। इस घटना को मुनि विस्फारित नेत्रों से देखता रह गया। उसके मन पर एक गहरी प्रतिक्रिया हुई कि कितने कष्टों को सहकर मैं इसे यहां लाया और उसका यह दुरुपयोग! बात कुछ समझ में नहीं आई। अन्त में उसने कोशा से पूछ ही लिया—भद्रे! तुमने यह क्या किया? इस बहुमूल्य कम्बल का क्या यही उपयोग था? कोशा ने व्यंग्य की भाषा में कहा—संयम रत्‍न से बढ़ कर रत्‍नकम्बल कौन सी अमूल्य वस्तु है? आपने तो तुच्छ काम-भोगों के लिए संयम रत्‍न जैसे अनमोल वस्तु को भी छोड़ दिया। फिर रत्‍नकम्बल है ही क्या? कोशा के इन वाक्यों ने मुनि के अन्त:करण को बींध दिया। वह पुन: संयम में स्थिर हो गया। उसे आचार्य के महादुष्कर कथन की स्मृति हो आई जिसके कारण उसने यह प्रपंच रचा था। अन्त में वह आचार्य के पास आया और —तदोष की आलोचना कर शुद्ध हो गया।

इस प्रसंग में यह उदाहरण भी मननीय है।

एक संन्यासी गांव से दूर आश्रम बनाकर अपनी साधना कर रहे थे। प्रतिदिन भक्तजन उनके पास आते और प्रवचन सुनकर चले जाते। एक दिन महात्मा अपनी शिष्यमंडली के बीच वाचन करते-करते एक वाक्य पर अटक गए। ग्रंथ में लिखा था—ब्रह्मचर्य का पालन करना महादुष्कर है। वाक्य को पढ़ते ही वे चौंके और फिर अपने भक्तों से बोले—दुष्करता जैसी इसमें क्या बात है? इसमें कौन-सा भूखा-प्यासा रहना पड़ता है। पता नहीं, किस अज्ञानी ने मनगढ़न्त ऐसा लिख दिया? तत्काल उन्होंने उस पंक्ति को काट दिया।

कुछ दिन बीते। अन्धेरी रात और बरसात का मौसम था। एक नवयुवति अकेली अपने घर चली जा रही थी। संयोगवश वह अन्धेरे और वर्षा के कारण मार्ग के बीच में ही अटक गई। आस-पास में ठहरने के लिए कोई स्थान नहीं था। कुछ ही दूरी पर संन्यासी का आश्रम था। वह वहां पहुंची। दरवाजा खटखटाया। संन्यासी ने भीतर से दरवाजा खोला। युवति ने घबराते हुए संन्यासी से कहा—महात्मन्! मैं एकाकी हूं और खराब मौसम के कारण अपने घर नहीं जा सकती। रात्री को यहीं विश्राम चाहती हूं। आप मुझे स्थान बताएं। संन्यासी ने उसे आश्रम के भीतर निर्मित मंदिर का स्थान बता दिया। युवती वहां गई और सुरक्षा की दृष्टि से उसने कपाटों को बन्द कर सांकल लगा ली।

तब तक संन्यासी के मन में कोई भी विकार भावना नहीं थी। ज्यों-ज्यों रात बीतने लगी एकाएक उनको काम-भावना सताने लगी। उन्होंने मन ही मन सोचा—आज अलभ्य अवसर आया है और वह नवयुवति भी अकेली है। अब मेरी मनोकामना को पूरी होने में समय नहीं लगेगा। वे अपने आपको रोक नहीं सके। तत्काल वे उठे और उस युवती से कपाट खुलवाने का प्रयत्‍न करने लगे। युवती भी मन ही मन समझ गई कि अवश्य ही दाल में काला है। लगता है, अब संन्यासी के मन में वह पवित्र भावना नहीं रही। निश्‍चित ही वे मेरा शील भंग करना चाहते हैं। यह सोचकर उसने किवाड़ों को खोलने से इन्कार कर दिया।

अपने प्रयत्‍न को असफल होते देख संन्यासी ने इसका दूसरा उपाय निकाला। वे मन्दिर के ऊपर चढ़े और उसके गुम्बज को तोड़कर भीतर घुसने लगे। संकड़ा छिद्र और स्थूल शरीर। उसका परिणाम यह हुआ कि वे अधर में ही लटक गए। न तो वे बाहर निकल सकते थे और न ही भीतर जा सकते थे। इस रस्साकशी में उनका सारा शरीर छिलकर लहूलुहान हो गया। संन्यासी को ब्रह्मचर्य की दुष्करता समझ में आ गई।

१९. धन (धण)

धन में चल और अचल—दोनों प्रकार की सम्पत्ति का समावेश होता है। विनिमय रूप में मुद्रा के द्वारा जो लेन-देन किया जाता है वह चल सम्पत्ति कहलाती है। भूमि, मकान, खेत आदि को अचल सम्पत्ति कहा जाता है। मनुष्य में धन की असीम लालसा होती है। उसे संतोष के बिना सीमित नहीं किया जा सकता। ''जहा लाहो तहा लोहो'' का सूत्र सर्वथा सत्य है। एक कवि ने लिखा है—

''गोधन गजधन वाजिधन और रतनधन खान।

जब आवै संतोषधन सब धन धूलि समान।।''

२०. परिग्रहण (परिग्गह)

यहां परिग्गह का अर्थ है परिग्रहण-अपने स्वामित्व में रखना। स्थानांग में परिग्रह के तीन प्रकार बतलाए गए हैं—शरीर, कर्म-पुद्गल और भण्डोपकरण।

प्रस्तुत श्‍लोक में अपरिग्रह के तीन रूप प्राप्त हैं—१. धन-धान्य आदि का असंग्रह २. आरम्भ का परित्याग ३. निर्ममत्व। परिग्रह की व्याख्या ममत्व—मूर्छा तथा ममत्व के हेतुभूत पदार्थ—इन दोनों के आधार पर की गई है। दशवैकालिक और तत्त्वार्थसूत्र में वह केवल ममत्व के आधार पर भी की गई है।

२१. ताड़ना, तर्जना, वध, बन्धन (तालणा, तज्जणा, वह, बंध)

ताड़ना, तर्जना, वध और बन्धन—ये चारों परीषह हैं—प्रहार और तिरस्कार से उत्पन्न कष्ट हैं—

(१) ताड़ना—हाथ आदि से मारना।

(२) तर्जना—तर्जनी अंगुली दिखा कर या भौंहे चढ़ा कर तिरस्कार करना या डांटना।

(३) वध—लकड़ी आदि से प्रहार करना।

(४) बन्धन—मयूर-बन्ध आदि से बांधना।

२२. यह जो कापोतीवृत्ति (कावोया जा इमा वित्ती)

वृत्तिकार ने कापोतीवृत्ति का अर्थ किया है—कबूतर की तरह आजीविका का निर्वहण करने वाला। जिस प्रकार कापोत धान्यकण (टीकाकार ने यहां कीट का भी उल्लेख किया है, परन्तु कबूतर कीट नहीं चुगते) आदि को चुगते समय नित्य सशंक रहता है, उसी प्रकार भिक्षाचर्या में प्रवृत्त मुनि एषणा आदि दोषों के प्रति सशंक होता है।

भिक्षु स्वयं भोजन नहीं पकाता। वह गृहस्थ के द्वारा स्वयं के लिए बनाए हुए भोजन में से उसका कुछ अंश लेकर अपनी आजीविका चलाता है। जैन, बौद्ध और वैदिक साहित्य में भिक्षुओं के भिक्षा का नामकरण पशु-पक्षियों के नामों के आधार पर किए गए हैं। जैसे—माधुकरीवृत्ति, कापोतीवृत्ति, अजगरीवृत्ति आदि।

महाभारत में ब्राह्मण के लिए कापोतीवृत्ति का उल्लेख मिलता है—

'कुम्भधान्यैरुञ्छशिलै:, कापोतीं चास्थितास्तथा।

यस्मिंश्‍चैते वसन्त्यर्हास्तद् राष्ट्रमभिवर्धते।।'

कुंडे भर अनाज का संग्रह करके अथवा उञ्छशिल के द्वारा अनाज का संग्रह करके 'कापोती' वृति का आश्रय लेने वाले पूजनीय ब्राह्मण जिस देश में निवास करते हैं उस राष्ट्र की वृद्धि होती है।

गृहस्थ के लिए भी चार वृत्तियों का उल्लेख है। उनमें कापोती चौथी वृत्ति है—

१. कोठे भर अनाज का संग्रह करना पहली वृत्ति है।

२. कुंडे भर अनाज का संग्रह करना दूसरी वृत्ति है।

३. उतने अन्न का संग्रह करना, जो अगले दिन के लिए शेष न रहे, तीसरी वृत्ति है।

४. कापोतीवृत्ति का आश्रय लेकर जीवन निर्वाह करना चौथी वृत्ति है।

कापोतीवृत्ति को उञ्छवृत्ति भी कहा गया है।

२३. दारुण केश-लोच (केसलोओ य दारुणो)

केशलोच—हाथ से नोच कर बालों को उखाड़ना सचमुच बहुत दारुण होता है। लोच क्यों किया जाए? यह प्रश्‍न उपस्थित होता है। इसका तर्क-संगत समाधान देना सम्भवत: कठिन है। यह एक परंपरा है। इसका प्रचलन क्यों हुआ? इसका समाधान प्राचीन साहित्य में ढूंढना चाहिए।

कल्पसूत्र में कहा गया है कि संवत्सरी के पूर्व लोच अवश्य करना चाहिए। उसकी व्याख्या में लोच करने के कुछ हेतु बतलाए गए हैं—

(१) केश होने पर अप्काय के जीवों की हिंसा होती है।

(२) भींगने से जूंएं उत्पन्न होती हैं।

(३) खुजलाता हुआ मुनि उनका हनन कर देता है।

(४) खुजलाने से सिर में नख-क्षत हो जाते हैं।

(५) यदि कोई मुनि क्षुर (उस्तरे) या कैंची से बालों को काटता है तो उसे आज्ञा-भंग का दोष होता है।

(६) ऐसा करने से संयम और आत्मा (शरीर)—दोनों की विराधना होती है।

(७) जूंएं मर जाती हैं।

(८) नाई अपने क्षुर या कैंची को सचित्त जल से धोता है। इसलिए पश्‍चात्-कर्म दोष होता है।

(९) जैन शासन की अवहेलना होती है।

इन हेतुओं को ध्यान में रखते हुए मुनि केशों को हाथ से ही नोंच डाले, यही उसके लिए अच्छा है। इस लोच-विधि में आपवादिक विधि का भी उल्लेख है।

दिगम्बर-साहित्य में इसके कुछ और हेतु भी बतलाए गए हैं—

(१) राग आदि का निराकरण करने,

(२) अपने पौरुष को प्रगट करने,

(३) सर्वोत्कृष्ट तपश्‍चरण और

(४) लिंग आदि के गुण का ज्ञापन करने के लिए।

राग आदि के निराकरण से इसका सम्बन्ध है—यह अन्वेषण का विषय है। शासन की अवहेलना का प्रश्‍न सामयिक है। जीवों की उत्पत्ति न हो तथा उनकी विराधना न हो—इसकी सावधानी बरती जा सकती है। इन हेतुओं से लोच की अनिवार्यता सिद्ध करना कठिन कार्य है। इसमें कोई संदेह नहीं कि यह कष्ट-सहिष्णुता की बहुत बड़ी कसौटी है। इन हेतुओं को जानने के बाद भी हमें यही मानना पड़ता है कि यह बहुत पुरानी परम्परा है।

दशवैकालिक वृत्ति और मूलाराधना में भी लगभग पूर्वोक्त जैसा ही विवरण मिलता है।

कायक्लेश संसार-विरक्ति का हेतु है। वीरासन, उकडू आसन, लोच आदि उसके मुख्य प्रकार हैं। (१) निर्लेपता, (२) पश्‍चात्कर्म-वर्जन, (३) पुर:कर्म-वर्जन और (४) कष्ट-सहिष्णुता—ये लोच से प्राप्त होने वाले गुण हैं।

केशों को संसाधित न करने से उनमें जूं, लीख आदि उत्पन्न होते हैं। वहां से उनको हटाना दुष्कर होता है। सोते समय अन्यान्य वस्तुओं से संघट्टन होने के कारण उन जूं-लीखों को पीड़ा हो सकती है। अन्य स्थल से कीटादिक जन्तु भी वहां उनको खाने आते हैं, वे भी दुष्प्रतिहार्य हैं।

लोच से मुण्डत्व, मुण्डत्व से निर्विकारता और निर्विकारता से रत्‍नत्रयी में प्रबल पराक्रम फोड़ा जा सकता है।

लोच से आत्म-दमन होता है; सुख में आसक्ति नहीं होती; स्वाधीनता रहती है (लोच न करने वाला मस्तक को धोने, सुखाने, तेल लगाने में काल व्यतीत करता है, स्वाध्याय आदि में स्वतंत्र नहीं रहता); निर्दोषता की वृद्धि होती है और शरीर से ममत्व हट जाता है। लोच से धर्म के प्रति श्रद्धा होती है, यह उग्र तप है, कष्ट-सहन का उत्कृष्ट उदाहरण है।

२४. (धारेउं अ महप्पणो)

यहां अ और महप्पणों को पृथक् मानकर अनुवाद किया गया है। इन्हें संयुक्त मानकर भी अनुवाद किया जा सकता है—घोर ब्रह्मचर्य को धारण करना अमहात्माओं के लिए दुष्कर है।

२५. (सुमज्जिओ)

सुमज्जित का अर्थ है—अच्छी तरह से स्‍नान किया हुआ। वृत्तिकार ने इसे सौकुमार्य का हेतु बतलाया है। सुमज्जिअ का दूसरा संस्कृत रूप सुमार्जित भी हो सकता है। 'मृजूक् शुद्धौ' से सुमज्जित और 'मृजूषा शौचालंकारयो:' से सुमार्जित रूप निष्पन्न होता है।

२६. (आगासे गंगसोउव्व)

आकाशगंगा का अर्थ नीहारिका है, ऐसी संभावना की जा सकती है।

२७. सांप जैसे एकाग्रदृष्टि से (अहीवेगंतदिट्ठीए)

सर्प अपने लक्ष्य पर अत्यन्त निश्‍चल दृष्टि रखता है, यही कारण है कि उसके द्वारा देखे जाने वाले पदार्थ का उसमें स्थिर प्रतिबिम्ब पड़ता है। उसकी आंखों की रचना ऐसी है कि वह प्रतिबिम्ब को ग्रहण कर लम्बे समय तक उसको अवस्थित रख सकता है। तथा आवश्यकता होने पर उसको पुन: प्रतिबिम्बित कर सकता है, प्रस्तुत कर सकता है। वह प्रतिबिम्ब लम्बे समय तक अमिट रहता है। यही कारण है कि सर्प को मारने वाले हत्यारे का सर्प की आंख में प्रतिबिम्ब अवस्थित हो जाता है। उसी के आधार पर उसका साथी सर्प या सर्पिणी उस हत्यारे का वर्षों तक पीछा कर उसे मार देती है।

आगमों में मुनि के लिए 'अहीव एगंतदिट्ठी'—सांप की भांति एकांतदृष्टि—यह विशेषण प्रयुक्त हुआ है। इसका तात्पर्य है कि जैसे सांप लक्ष्य पर ही दृष्टि रखता है, वैसे ही मुनि अपने लक्ष्य—मोक्ष को ही दृष्टि में रखे। जिस मुनि में यह निष्ठा होती है, वह एकांतदृष्टि कहलाता है।

२८. प्रज्वलित अग्‍निशिखा को (अग्गिसिहा दित्ता)

इस श्‍लोक के प्रथम चरण में 'अग्गिसिहा' और 'दित्ता' में द्वितीया के स्थान में प्रथमा विभक्ति है। दूसरे चरण में 'सुदुक्करं' में लिंग-व्यत्यय मान सुदुष्करा किया जाए और 'करोति' धातु सर्व-धात्वर्थवाची होता है, अत: उसे शक्ति के अर्थ में माना जाए तो अग्‍निशिखा को प्रथमा विभक्ति मान कर भी व्याख्या की जा सकती है।

२९. वस्त्र के थैले का (कोत्थलो)

हिन्दी में इसे थैला और राजस्थानी में 'कोथला' कहते हैं।

टीकाकार का संकेत है कि यहां वस्त्र, कम्बल आदि का 'थैला' ही ग्राह्य है, क्योंकि वही हवा से नहीं भरा जाता। चर्म आदि का थैला तो भरा जा सकता है।

३०. (तं बिंतम्मापियरो)

बिंत—यह ब्रूते के स्थान पर आर्ष प्रयोग है। बृहद्वृत्ति में 'तं बिंतऽम्मापियरो'—इस पाठ के बिंत पद को अम्मापियरो का विशेषण माना गया है और कर्त्ता का अध्याहार किया गया है। इसके दो पाठांतर उपलब्ध हैं—'सो बेअम्मापियरो' में कर्त्ता और क्रिया का एकवचन प्राप्त है। 'तो बेंतऽम्मापियरो'—इस पाठ में वचनव्यत्यय के आधार पर बिंत का प्रयोग ब्रूते के अर्थ में बतलाया गया है।

३१. चार अन्त वाले (चाउरंते)

संसार-रूपी कांतार के चार अन्त होते हैं—(१) नरक, (२) तिर्यंच, (३) मनुष्य और (४) देव। इसलिए उसे 'चाउरंत' कहा जाता है।

३२. (श्‍लोक ४७-७३)

इन श्‍लोकों में नारकीय वेदनाओं का चित्र खींचा गया है। पहले तीन नरकों में परमाधार्मिक देवताओं द्वारा पीड़ा पहुंचाई जाती है और अन्तिम चार में नारकीय जीव स्वयं परस्पर वेदना की उदीरणा करते हैं। परमाधार्मिक देव १५ प्रकार के हैं। उनके कार्य भी भिन्न-भिन्न हैं—

नामकार्य
(१) अंबहनन करना, ऊपर से नीचे गिराना, बींधना आदि-आदि।
(२) अंबर्षिकाटना आदि-आदि।
(३) श्यामफेंकना, पटकना, बींधना आदि-आदि।
(३) श्यामफेंकना, पटकना, बींधना आदि-आदि।
(४) शबलआंते, फेफडे़, कलेजा आदि निकालना।
(५) रुद्रतलवार, भाला आदि से मारना, शूली में पिरोना आदि-आदि।
(६) उपरुद्रअंग-उपांगों को काटना आदि-आदि।
(७) कालविविध पात्रों में पचाना।
(८) महाकालशरीर के विविध स्थानों से मांस निकालना।
(९) असिपत्रहाथ, पैर आदि को काटना।
(१०) धनुकर्ण, ओष्ठ, दांत को काटना।
(११) कुम्भविविध कुम्भियों में पचाना।
(१२) बालुकभूनना आदि-आदि।
(१३) वैतरणिवसा, लोही आदि की नदी में डालना।
(१४) खरस्वरकरवत, परशु आदि से काटना।
(१५) महाघोषभयभीत होकर दौड़ने वाले नैरयिकों का अवरोध करना।

परमाधार्मिक देवों के ये कार्य इस अध्ययन में वर्णित हैं किन्तु यहां परमाधार्मिकों के नाम उल्लिखित नहीं हैं। विशेष वर्णन के लिए देखें—समवायांग, समवाय १५, वृत्ति पत्र २८; गच्छाचार, पत्र ६४-६५।

३३. पकाने के पात्र में (कंदुकुंभीसु)

'कंदुकुंभीसु'—कंदु का अर्थ है—भट्ठा (भाड़)। कुम्भी का अर्थ है—छोटा घड़ा। कंदु—कुम्भी ऐसे पाक-पात्र का नाम है, जो नीचे से चौड़ा और ऊपर से संकरे मुंह वाला हो।

बृहद्वृत्ति में इसका अर्थ लोह आदि धातु से बना हुआ पाक-पात्र किया है। सूत्रकृतांग के चूर्णिकार ने कुम्भी के दो अर्थ किए हैं—१. कुम्भ से बड़ा बर्तन, २. उष्ट्रिका—ऊंट के आकार का बड़ा बर्तन।

३४. जलती हुई अग्‍नि में (हुयासणे)

अग्‍निकायिक जीव दो प्रकार के होते हैं—सूक्ष्म और बादर। अग्‍नि के बादर जीव नरक में नहीं होते। यहां जो अग्‍नि का उल्लेख है, वह सजीव अग्‍नि के लिए नहीं किन्तु अग्‍नि जैसे तापवान् और प्रकाशवान् पुद्गलों के लिए है।३ यह अग्‍नि देव मायाकृत होती है।

३५. वज्रबालुका जैसी कदम्ब नदी की बालू में (वइरवालुए, कलंबवालुयाए)

नरक में वज्रबालुका तथा कदम्बबालुका नाम की नदियां हैं। इन नदियों की 'चर' को भी 'वज्रबालुका' व 'कदम्बबालुका' कहा गया है।

३६. (श्‍लोक ५०-५१)

तुलना के लिए देखें—सूयगडो : १।५।३४, ३५।

३७. शाल्मलि वृक्ष पर (सिंबलिपायवे)

इसके लिए 'कूट शाल्मलि' शब्द का भी प्रयोग होता है। देखिए—उत्तरज्झयणाणि, २०।३६। इसका अर्थ है—सेमल का वृक्ष। इसकी त्वचा पर अगणित कांटे होते हैं।

३८. (कोलसुणएहिं, पाडिओ, फालिओ, छिन्नो)

कोलसुणएहिं—कोलशुनक का अर्थ 'सूअर' किया गया है। कोल का अर्थ भी 'सूअर है।' इसलिए शुनक का अर्थ 'कुत्ता' किया जा सकता है।

पाडिओ—पातित। इसका अर्थ है—ऊपर से नीचे गिराना।

फालिओ—फाटित। इसका अर्थ है—वस्त्र की तरह फाड़ना।

छिन्नो—छिन्न। इसका अर्थ है—वृक्ष की तरह दो डाल करना।

३९. (असीहि, भल्लीहिं, पट्टिसेहि)

असीहि—तलवारें तीन प्रकार की होती हैं—असि, खङ्ग और ऋष्टि। असि लम्बी, खङ्ग छोटी और ऋष्टि दुधारी तलवार को कहा जाता है।

भल्लीहिं—भल्ली (बर्छी)। एक प्रकार का भाला।

पट्टिसेहि—पट्टिस के पर्यायवाची नाम तीन हैं—खुरोपम, लोहदण्ड और तीक्ष्णधार। इनसे उसकी आकृति की जानकारी मिलती है। उसकी नोकें खुरपे की नोकों के समान तीक्ष्ण होती हैं, यह लोहदण्ड होता है और इसकी धार तीखी होती है।

४०. चाबुक और रस्सी के द्वारा (तोत्तजुत्तेहिं)

वृत्तिकार ने तोत्र का अर्थ चाबुक और योक्त्र का अर्थ एक प्रकार का बन्धन किया है।

सूत्रकृतांग (१।५।३०) में 'आरुस्स विज्झंति तुदेण पुट्ठे' पाठ है। इस संदर्भ में 'तुद' का अर्थ है—पशुओं को हांकने का वह साधन, जिसमें नुकीली कील डाली हुई होती है और जो समय-समय पर पशुओं के गुह्य-प्रदेश में चुभाई जाती है, जिससे कि वे पशु गति पकड़ सके।

'तुद' और 'तोत्र' दोनों एकार्थक होने चाहिए।

४१. रोझ (रोज्झो)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है—हरिण की एक जाति। संस्कृत में इसका तत्सम अर्थ है—ऋष्य:। टीकाकार ने पशु विशेष कह कर छोड़ दिया है।

४२. पाप-कर्मों से घिरा हुआ (पाविओ)

इसके संस्कृत रूप तीन बनते हैं—१. प्रावृत:—घिरा हुआ, २. पापिक:—पापी, ३. प्रापित:—प्राप्त कराया हुआ।

वृत्तिकार ने इसका अर्थ पापिक किया है। प्रस्तुत प्रसंग में प्रावृत:—घिरा हुआ—यह अर्थ संगत लगता है।

४३. भांति (विव)

यह 'इव' अर्थ में अव्यय है। पिव, मिव, विव और वा—ये चारों अव्यय 'इव' अर्थ में प्रयुक्त होते हैं।

४४. कौवा (ढंक)

ढंक का अर्थ है—कौवा। राजस्थानी में इसे 'ढीकड़ा' (बड़ा काग) कहते हैं। नरकों में तिर्यञ्च गति के जीव नहीं होते। वहां पशु-पक्षियां का अवकाश नहीं होता। देवता पशु-पक्षियों का वैक्रिय रूप बनाकर नारकों को संताप देते हैं।

४५. पक्षियों के (पक्खिहिं)

नरक में तिर्यंच नहीं होते। यहां जो पक्षियों का उल्लेख है, वह देवताओं द्वारा किए गए वैक्रिय रूप का है।

४६. छुरे की धार से (खुरधाराहिं)

इसका शाब्दिक अर्थ है—छुरे की धार की तरह तीक्ष्ण। प्रस्तुत प्रसंग में इसका तात्पर्यार्थ है कि वैतरणी नदी की जल-तरंगें छुरे की तरह तेज धार वाली होती हैं।

४७. मुसुण्डियों से (मुसंढीहिं)

यह लकड़ी की बनती थी। इसमें गोल लोहे के कांटे जड़े रहते थे।

४८. लोहार के द्वारा (कम्मारेहिं)

जीवाजीवाभिगम आगम में लोहकार के अर्थ में 'कम्मार' शब्द का प्रयोग मिलता है। बृहद्वृत्ति में 'कुमारेहिं' पाठ मान कर उसका अर्थ लोहकार किया है। 'कुमारेहिं' यह अपपाठ प्रतीत होता है। इसके स्थान पर 'कम्मारेहिं' पाठ होना चाहिए।

४९. (तिव्वचंडप्पगाढाओ घोराओ)

इसमें तीव्र, चण्ड, प्रगाढ़ और घोर—ये चार समालोच्य शब्द हैं। नारकीय-वेदना को रस-विपाक की दृष्टि से तीव्र कहा गया है। चण्ड का अर्थ है—उत्कट। दीर्घकालीनता की दृष्टि से उसे प्रगाढ़ कहा गया है। घोर का अर्थ है—रौद्र।

५०. (श्‍लोक ७४)

प्रस्तुत श्‍लोक में मृगापुत्र का अर्थवादपरक वक्तव्य है। अर्थवाद के प्रसंग में किसी विषय पर बल देने के लिए अतिशयोक्तिपूर्ण कथन भी किया जा सकता है। इस वक्तव्य में दु:ख की इतनी प्रचुरता बतला दी कि उसमें सुख के लिए कहीं अवकाश भी नहीं है।

५१. रोगों की चिकित्सा नहीं की जाती (निप्पडिकम्मया)

निष्प्रतिकर्मता काय-क्लेश नामक तप का एक प्रकार है। दशवैकालिक (३।४) में चिकित्सा को अनाचार कहा है। उत्तराध्ययन (२।३२, ३३) में कहा गया है—भिक्षु चिकित्सा का अभिनन्दन न करे तथा जो चिकित्सा का परित्याग करता है, वह भिक्षु है (१५।८)। यहां निष्प्रतिकर्मता का जो संवाद है, वह उक्त तथ्यों का समर्थन करता है। निर्ग्रन्थ परम्परा में निष्प्रतिकर्मता (चिकित्सा न कराने) का विधान रहा है किन्तु, सम्भवत: यह विशिष्ट अभिग्रहधारी निर्ग्रन्थों के लिए रहा है।

देखें—दसवेआलियं ३।४ का टिप्पण।

५२. हरिण (मिय.........)

मृग का अर्थ हरिण भी है और पशु भी। यहां दोनों अर्थ घटित हो सकते हैं।

विस्तार के लिए देखें—उत्तरज्झयणाणि १।५ का टिप्पण।

५३. (श्‍लोक ७६-८३)

७६वें श्‍लोक में 'मियपक्खिणं' पाठ आया है। आगे के श्‍लोकों में केवल 'मृग' का ही बार-बार उल्लेख हुआ है। यह क्यों? इसके समाधान में टीकाकार ने बताया है कि मृग प्राय: उपशम-प्रधान होते हैं। इसलिए बार-बार उन्हीं के उदाहरण से विषय को समझाया गया है।

५४. महावन में (महारण्णम्मि)

टीकाकार का कथन है कि यहां 'महा' शब्द विशेष प्रयोजन से ही लिया गया है। साधारण अरण्य में लोगों का आवागमन रहता है। वहां कोई—पालु व्यक्ति किसी पशु को पीड़ित देख उसकी चिकित्सा कर देता है। जैसे किसी वैद्य ने अरण्य में एक व्याघ्र की आंखों की चिकित्सा की थी। महारण्य में आवागमन न होने से पशुओं की चिकित्सा का प्रसंग ही नहीं आता।

५५. देता है (पणामए)

अपर् धातु को प्राकृत में प्रणाम आदेश होता है। इसका अर्थ है—देना।

५६. लता निकुंजों (वल्लराणि)

यह देशी शब्द है। इसके सात अर्थ हैं—अरण्य, महिष, क्षेत्र, युवा, समीर, निर्जल-देश और वन।

टीकाकार ने इसके चार अर्थों का निर्देश किया है—अरण्य, निर्जल-देश, वन और क्षेत्र। यहां वल्लर का अर्थ—गहन (लता-निकुञ्ज) होना चाहिए।

५७. मृगचर्या (मिगचारियं)

प्रस्तुत अध्ययन में 'मिगचारियं या मियचारियं' शब्द पांच बार आया है—श्‍लोक ८१, ८२, ८४ और ८५ में। शान्त्याचार्य ने 'मिगचारिया' के संस्कृत रूप दो दिए हैं—

१. मृगचर्या—हिरणों की इधर-उधर उत्वन की चर्या।

२. मितचारिता—परिमित भक्षणरूप चर्या। हिरण स्वभावत: मिताहारी होते हैं।

'चर्या' का प्राकृत रूप 'चरिया' बनता है, इसलिए 'चारिया' का संस्कृत रूप 'चारिका' या 'चारिता'—दोनों हो सकते हैं। अर्थ-संगति की दृष्टि से 'मितचारिता' की अपेक्षा 'मृगचारिका' अधिक उपयुक्त है।

प्रस्तुत श्‍लोक (८१) में 'मिगचारियं' शब्द दो बार प्रयुक्त है। दोनों के अर्थ भिन्न हैं—

१. मिगचारियं चरित्ताणं—यहां मृगचारिका का अर्थ है—मृगों की भांति इधर-उधर कूदते हुए भ्रमण करना। यह मृगों के चलने का प्रकार है। वृत्तिकार ने विकल्प में इसका संस्कृत रूप 'मितचारितां' देकर इसका अर्थ इस प्रकार किया है—मृग स्वभावत: परिमितभोजी होते हैं। उनकी परिमित भक्षण की चर्या 'मितचारिता' कहलाती है।

२. गच्छई मिगचारियं—यहां मृगचारिका का अर्थ है—मृगों की आश्रयभूमी जहां मृग स्वतंत्र रूप से ऊठ-बैठ सकते हैं। तात्पर्य में यह स्वतंत्र विहार की भूमि है।

५८. स्वतंत्र विहार (अणेगओ)

जैसे मृग एक वृक्ष से प्रतिबद्ध होकर नहीं रहता, किन्तु अनेक स्थानों पर विचरता है, वैसे ही मुनि भी अनेकगामी होता है। वह किसी एक स्थान से प्रतिबद्ध नहीं रहता, अनियत विहार करता रहता है।

५९. गोचर से ही जीवन-यापन करने वाला (धुवगोयरे)

यहां ध्रुव का अर्थ है—सदा और गोचर का अर्थ है—वन की वह भूमि जहां पशुओं को चरने के लिए घास और पीने के लिए पानी उपलब्ध हो जाता है। अरण्य पशु इसी गोचर से अपना जीवन-यापन करते हैं।

६०. उपधि (उवहिं)

उपधि का अर्थ है—उपकरण—आभरणादि। मृगापुत्र को माता-पिता के द्वारा प्रव्रजित होने की अनुमति मिल गई। उस समय उसने उपधि को त्यागने का संकल्प किया।

वृत्तिकार ने उपधि के दो प्रकार बतलाये हैं—द्रव्य और भाव। द्रव्य उपधि का अर्थ है—उपकरण और भाव उपधि का अर्थ है—छद्म या कपट। प्रव्रजित होने के लिए इन दोनों का त्याग आवश्यक है।

६१. (श्‍लोक ९१)

प्रस्तुत श्‍लोक के कुछ शब्दों का विमर्श इस प्रकार है—

१. गौरव—गौरव का अर्थ है—अभिमान से उत्तप्त चित्त की अवस्था। वह तीन प्रकार का है—

१. ऋद्धि गौरव—ऐश्‍वर्य का अभिमान।

२. रस गौरव—इष्ट वस्तु की प्राप्ति का अभिमान।

३. सात गौरव—सुख-सुविधाओं का अभिमान।

२. दंड—दंड का अर्थ है—दुष्प्रणिधान। इसके तीन प्रकार हैं—

१. मनोदंड—मन का दुष्प्रणिधान।

२. वचोदंड—वचन की दुष्प्रयुक्तता।

३. कायदंड—शारीरिक दुष्प्रवृत्ति।

३. शल्य—शल्य का अर्थ है—अन्तर में घुसा हुआ दोष। इसके तीन प्रकार हैं—

१. मायाशल्य—मायापूर्ण आचरण।

२. निदानशल्य—ऐहिक और पारलौकिक उपलब्धि के लिए धर्म का विनिमय।

३. मिथ्यादर्शनशल्य—आत्मा का मिथ्यात्वमय दृष्टिकोण।

(दंड और शल्य के विशेष विवरण के लिए देखें-३१।४ का टिप्पण)

४. भय—इसके सात प्रकार हैं—

१. इहलोक भय

२. परलोक भय

३. आदान भय

४. अकस्मात् भय

५. वेदना भय

६. मरण भय

७. अश्‍लोक भय

६२. वसूले से काटने और चंदन लगाने पर...(वासीचंदणकप्पो)

शान्त्याचार्य के अनुसार 'वासी' और 'चन्दन' शब्द के द्वारा उनका प्रयोग करने वाले व्यक्तियों का ग्रहण किया गया है। कोई व्यक्ति वसूले से छीलता है, दूसरा चन्दन का लेप करता है—मुनि दोनों पर समभाव रखे। यहां 'कल्प' शब्द का अर्थ सदृश है। जैन साहित्य में यह साम्ययोग बार-बार प्रतिध्वनित होता है—

जो चंदणेण बाहुं आलिंपइ वासिणा वि तच्छेइ।

संथुणइ जो अ निंदइ महारिसाणो तत्थ समभावा।।

श्रीमद् जयाचार्य ने भगवान् ऋषभ की स्तुति में इस साम्ययोग की भावना का इन शब्दों में चित्रण किया है—

वासी चंदण समपणैं, थिर चित्त जिन ध्याया।

इम तनसार तजी करी, प्रभु केवल पाया।।

डॉ० हरमन जेकोबी ने इस पद का अर्थ इस प्रकार किया है—'अमनोज्ञ और मनोज्ञ' वस्तुओं के प्रति। इनके अनुसार 'वासी' शब्द अमनोज्ञ और अप्रीतिकर वस्तुओं के लिए तथा 'चन्दन' शब्द मनोज्ञ या प्रीतिकर वस्तुओं के लिए प्रयुक्त है।

डॉ० जेकोबी अवचूरीकार के अर्थ पर टिप्पणी करते हुए लिखते हैं—अवचूरीकार ने 'वास' का अर्थ रहने का स्थान किया है। परन्तु मुझे लगता है कि चन्दन के साथ 'वासी' शब्द का प्रयोग होने से वह कोई दुर्गन्धयुक्त पदार्थ का द्योतक होना चाहिए।

अवचूरीकार तथा जेकोबी का अर्थ यथार्थ नहीं लगता।

६३. (अणसणे)

'नञ्' के दो अर्थ होते हैं—अभाव और कुत्सा। यहां 'अणसणे' का अर्थ है 'भोजन न मिलने' अथवा 'खराब भोजन मिलने पर।'

६४. अप्रशस्त द्वारों से आने वाले (अप्पसत्थेहिं दारेहिं)

आश्रव के द्वारा कर्म-पुद्गलों का ग्रहण किया जाता है, इसलिए वे द्वार कहलाते हैं। आगम-साहित्य में कहीं-कहीं आश्रव और कहीं-कहीं आश्रवद्वार का प्रयोग मिलता है। हिंसा आदि अप्रशस्त द्वार हैं।

६५. अध्यात्म-ध्यानयोग के द्वारा प्रशस्त एवं उपशम प्रधान शासन में रहने वाला (अज्झप्पझाणजोगेहिं पसत्थदमसासणे)

योग शब्द को अध्यात्म और ध्यान दोनों के साथ जोड़ा जा सकता है—अध्यात्मयोग, ध्यानयोग। जैन शासन दम का शासन है। उसमें दम के प्रशस्त साधन ही मान्य हैं। अप्रशस्त साधनों से दम करना जैन साधना पद्धति में वांछनीय नहीं है। अध्यात्मयोग और ध्यानयोग—ये दम के प्रशस्त साधन हैं। अध्यात्मयोग के द्वारा व्यक्ति अपनी अन्तश्‍चेतना तक पहुंचता है और शुद्ध चेतना की अनुभूति का अभ्यास करता है। वह ध्यान के द्वारा समाधि को सिद्ध कर समय-समय पर उठने वाली तरंगों को शान्त और क्षीण करता है। यह बलप्रयोग से किया जाने वाला दमन नहीं है, किन्तु साधना के द्वारा किया जाने वाला उपशमन है। इस प्रशस्त दम की अवस्था में ही जिनशासन या आत्मानुशासन उपलब्ध होता है।

वृत्तिकार ने अध्यात्म ध्यानयोग का अर्थ—शुभ ध्यान का व्यापार किया है।

६६. भावनाओं के द्वारा (भावणाहि य सुद्धाहिं)

वृत्तिकार ने भावना शब्द का सम्बन्ध महाव्रत की पच्चीस भावनाओं तथा अनित्य आदि बारह अनुप्रेक्षाओं के साथ स्थापित किया है। ध्यान-शतक में चार भावनाओं का उल्लेख मिलता है।

१. ज्ञान भावना

२. दर्शन भावना

३. चारित्र भावना

४. वैराग्य भावना

सम्भावना की जा सकती है कि इस भावना शब्द का इस श्‍लोक में निर्दिष्ट ज्ञान, दर्शन और चारित्र के साथ सम्बन्ध है।

६७. मृगापुत्र (मियाइपुत्तस्स)

मियाइ—यहां मियाए पाठ होना चाहिए था। इसका अर्थ है—मृगा रानी का। किन्तु छन्द की दृष्टि से एकार को इकार किया गया है।

६८. सुनकर (निसम्म)

श्रवण और निशमन—दोनों शब्द सुनने के अर्थ में प्रयुक्त होते हैं। दोनों के तात्पर्यार्थ में अन्तर है। कानों से शब्द मात्र को ग्रहण करना श्रवण है। गहराई से सुनना, अवधारण करना निशमन है।

६९. निर्वाण के गुणों को प्राप्त कराने वाली (निव्वाणगुणावहं)

निर्वाण के चार गुण हैं—अनन्तज्ञान, अनन्तदर्शन, अनन्तशक्ति और अनन्तआनन्द-सुख। जो इन चारों की प्राप्ति कराती है वह निर्वाणगुणावहा।

♦

बीसवां अध्ययन : महानिर्ग्रन्थीय

20

बीसवां अध्ययन : महानिर्ग्रंन्थीय

आमुख

मगध देश का सम्राट् श्रेणिक एक बार विहार-यात्रा के लिए मंडिकुक्षि नामक उद्यान में आया। घूम-फिर कर उसने उद्यान की शोभा निहारी। देखते-देखते उसकी आंखें एक ध्यानस्थ मुनि पर जा टिकीं। राजा पास में गया। वन्दना की। मुनि के रूप-लावण्य को देख वह अत्यन्त विस्मित हुआ। उसने पूछा—'मुने! भोग-काल में संन्यास-ग्रहण की बात समझ में नहीं आती। आप तरुण हैं, भोग भोगने में समर्थ हैं। इस अवस्था में आप मुनि क्यों बने?' मुनि ने कहा—'राजन्! मैं अनाथ हूं। मेरा कोई भी नाथ नहीं है, त्राण नहीं है। इसलिए मैं मुनि बना हूं।' राजा ने मुस्कराते हुए कहा—'शरीर-सम्पदा से आप ऐश्‍वर्यशाली लगते हैं फिर अनाथ कैसे? कुछ भी हो मैं आपका नाथ बनता हूं। आप मेरे साथ चलें। सुखपूर्वक भोग भोगें। मुने! मनुष्य-भव बार-बार नहीं मिलता।' मुनि ने कहा—'तुम स्वयं अनाथ हो। मेरे नाथ कैसे बन सकोगे?' राजा को यह वाक्य तीर की भांति चुभा। उसने कहा—'मुने! आप झूठ क्यों बोलते हैं। मैं अपार सम्पत्ति का स्वामी हूं। मेरे राज्य में मेरी हर आज्ञा अखण्ड रूप से प्रवर्तित होती है। मेरे पास हजारों हाथी, घोड़े, रथ, सुभट और नौकर-चाकर हैं। सारी सुख-सामग्री उपनीत है। मेरे आश्रय में हजारों व्यक्ति पलते हैं। ऐसी अवस्था में मैं अनाथ कैसे?' मुनि ने कहा—'तुम अनाथ का अर्थ नहीं जानते और नहीं जानते कि कौन व्यक्ति कैसे सनाथ होता है और कैसे अनाथ?'

मुनि ने आगे कहा—'मैं कौशाम्बी नगरी में रहता था। मेरे पिता अपार धन-राशि के स्वामी थे। हमारा कुल सम्पन्न था। मेरा विवाह उच्च कुल में हुआ था। एक बार मुझे असह्य अक्षि-रोग उत्पन्न हुआ। उसको मिटाने के लिए नानाविध प्रयत्‍न किए गए। पिता ने अपार धन-राशि का व्यय किया। सभी परिवार वालों ने नानाविध प्रयत्‍न किए, पर सब व्यर्थ। मेरे सगे-सम्बन्धियों ने मेरी वेदना पर अपार आंसू बहाए। पर मेरी वेदना को वे न बंटा सके। यह थी मेरी अनाथता। 'यदि इस पीड़ा से मैं मुक्त हो जाऊं तो मैं मुनि बन जाऊं'—इस संकल्प को साथ ले मैं सो गया। जैसे-जैसे रात बीती वैसे-वैसे रोग शान्त होता गया। सूर्योदय होते-होते मैं स्वस्थ हो गया और माता-पिता की आज्ञा लेकर प्रव्रजित होकर सभी प्राणियों का नाथ बन गया। उन सबको मुझ से त्राण मिल गया। यह है मेरी सनाथता। मैंने आत्मा पर शासन किया—यह है मेरी सनाथता। मैं श्रामण्य का विधिपूर्वक पालन करता हूं—यह है मेरी सनाथता।'

राजा ने सनाथ और अनाथ का यह अर्थ पहली बार सुना। उसके ज्ञान-चक्षु खुले। वह बोला—'महर्षे! आप ही वास्तव में सनाथ और सबान्धव हैं। मैं आपसे धर्म का अनुशासन चाहता हूं।' (श्‍लोक ५५)

मुनि ने उसे निर्ग्रन्थ धर्म की दीक्षा दी। वह धर्म में अनुरक्त हो गया।

इस अध्ययन में अनेक विषय चर्चित हुए हैं—

१. आत्मकर्तृत्व के लिए ३६, ३७ एवं ४८ श्‍लोक मननीय हैं।

२. ४४वें श्‍लोक में विषयोपपन्न धर्म के परिणामों का दिग्दर्शन है। जैसे पीया हुआ कालकूट विष, अविधि से पकड़ा हुआ शस्त्र और अनियन्त्रित वेताल विनाशकारी होता है, वैसे ही विषयों से युक्त धर्म भी विनाशकारी होता है।

३. द्रव्य-लिंग से लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होती, इसके लिए ४१ से ५० श्‍लोक मननीय हैं।

(मिलाइए—सुत्तनिपात—'महावग्ग'—पवज्जा सुत्त।)

विंसइमं अज्झयणं : महानियंठिज्जं

बीसवां अध्ययन : महानिर्ग्रंन्थीय

मूल

१. सिद्धाणं नमो किच्चा, संजयाणं च भावओ।

अत्थधम्मगइं तच्चं, अणुसट्ठिं सुणेह मे।।

हिन्‍दी अनुवाद

सिद्धों और संयत आत्माओं को भाव-भरा नमस्कार कर१ मैं अर्थ (साध्य) और धर्म का ज्ञान कराने वाली तथ्यपूर्ण२ अनुशासना का निरूपण करता हूं। वह मुझसे सुनो।

२. पभूयरयणो राया, सेणिओ मगहाहिवो।

विहारजत्तं निज्जाओ, मंडिकुच्छिंसि चेइए।।

प्रचुर रत्‍नों से३ सम्पन्न, मगध का अधिपति राजा श्रेणिक मण्डिकुक्षि नामक उद्यान में विहार-यात्रा (क्रीड़ा-यात्रा) के लिए गया।

३. नाणादुमलयाइण्णं, नाणापक्खिनिसेवियं।

नाणाकुसुमसंछन्नं, उज्जाणं नंदणोवमं।।

वह उद्यान नाना प्रकार के द्रुमों और लताओं से आकीर्ण, नाना प्रकार के पक्षियों से आश्रित, नाना प्रकार के कुसुमों से पूर्णत: ढका हुआ नन्दनवन के समान था।

४. तत्थ सो पासइ साहुं, संजयं सुसमाहियं।

निसन्नं रुक्खमूलम्मि, सुकुमालं सुहोइयं।।

वहां राजा ने संयत, मानसिक समाधि से सम्पन्न, वृक्ष के पास बैठे हुए सुकुमार और सुख भोगने योग्य साधु को देखा।

५. तस्स रूवं तु पासित्ता, राइणो तम्मि संजए।

अच्चंतपरमो आसी, अउलो रूवविम्हओ।।

उसके रूप को देखकर राजा उस संयत के प्रति आकृष्ट हुआ और उसे अत्यन्त उत्कृष्ट और अतुलनीय विस्मय हुआ।

६. अहो! वण्णो अहो! रूवं, अहो! अज्जस्स सोमया।

अहो! खंती अहो! मुत्ती, अहो! भोगे असंगया।।

आश्‍चर्य! कैसा वर्ण और कैसा रूप है।४

आश्‍चर्य! आर्य की कैसी सौम्यता है।

आश्‍चर्य! कैसी क्षमा और निर्लोभता है।

आश्‍चर्य! भोगों में कैसी अनासक्ति है।

७. तस्स पाए उ वंदित्ता, काऊण य पयाहिणं।

नाइदूरमणासन्ने, पंजली पडिपुच्छई।।

उसके चरणों में नमस्कार और प्रदक्षिणा५ कर, न अतिदूर और न अतिनिकट रह राजा ने हाथ जोड़कर पूछा।

८. तरुणो सि अज्जो! पव्वइओ, भोगकालम्मि संजया!।

उवट्ठिओ सि सामण्णे, एयमट्ठं सुणेमि ता।।

''आर्य! अभी तुम तरुण हो। संयत! तुम भोग-काल में प्रव्रजित हुए हो, श्रामण्य के लिए उपस्थित हुए हो इसका क्या प्रयोजन है मैं सुनना चाहता हूं।''

९. अणाहो मि महाराय!, नाहो मज्झ न विज्जई।

अणुकंपगं सुहिं वावि, कंचि नाभिसमेमहं।।

''महाराज! मैं अनाथ हूं, मेरा कोई नाथ६ नहीं है। मुझ पर अनुकम्पा करने वाला या मित्र कोई नहीं पा रहा हूं।''

१०. तओ सो पहसिओ राया, सेणिओ मगहाहिवो।

एवं ते इड्ढिमंतस्स, कहं नाहो न विज्जई?।।

यह सुनकर मगधाधिपति राजा श्रेणिक जोर से हंसा और उसने कहा—''तुम ऐसे सहज सौभाग्यशाली हो फिर कोई तुम्हारा नाथ कैसे नहीं होगा?''७

११. होमि नाहो भयंताणं, भोगे भुंजाहि संजया!।

मित्तनाईपरिवुडो, माणुस्सं खु सुदुल्लहं।।

''हे भदन्त! मैं तुम्हारा नाथ होता हूं। संयत! मित्र और ज्ञातियों से परिवृत होकर विषयों का भोग करो। यह मनुष्य-जन्म बहुत दुर्लभ है।''

१२. अप्पणा वि अणाहो सि, सेणिया! मगहाहिवा!।

अप्पणा अणाहो संतो, कहं नाहो भविस्ससि?।।

''हे मगध के अधिपति श्रेणिक! तुम स्वयं अनाथ हो। स्वयं अनाथ होते हुए भी तुम दूसरों के नाथ कैसे होओगे?''

१३. एवं वुत्तो नरिंदो सो, सुसंभंतो सुविम्हिओ।

वयणं अस्सुयपुव्वं, साहुणा विम्हयन्निओ।।

श्रेणिक पहले ही विस्मयान्वित बना हुआ था और साधु के द्वारा—तू अनाथ है—ऐसा अश्रुतपूर्व-वचन कहे जाने पर वह अत्यन्त व्याकुल और अत्यन्त आश्‍चर्यमग्‍न हो गया।

१४. अस्सा हत्थी मणुस्सा मे, पुरं अंतेउरं च मे।

भुंजामि माणुसे भोगे, आणाइस्सरियं च मे।।

''मेरे पास हाथी और घोड़े हैं, नगर और अन्त:पुर है, मैं मनुष्य सम्बन्धी भोगों को भोग रहा हूं, आज्ञा और ऐश्‍वर्य८ मेरे पास है।''९

१५. एरिसे संपयग्गम्मि, सव्वकामसमप्पिए।

कहं अणाहो भवइ?, मा हु भंते! मुसं वए।।

''जिसने मुझे सब काम-भोग समर्पित किए हैं वैसी उत्कृष्ट सम्पदा होते हुए मैं अनाथ कैसे हूं? भदंत! असत्य मत बोलो।''

१६. न तुमं जाणे अणाहस्स, अत्थं पोत्थं व पत्थिवा!।

जहा अणाहो भवई, सणाहो वा नराहिवा!।।

''हे पार्थिव! तू अनाथ शब्द का अर्थ और उसकी उत्पत्ति१०—मैंने तुझे अनाथ क्यों कहा—इसे नहीं जानता, इसलिए जैसे अनाथ या सनाथ होता है, वैसे नहीं जानता।''

१७. सुणेह मे महाराय!, अव्वक्खित्तेण चेयसा।

जहा अणाहो भवई, जहा मे य पवत्तियं।।

''महाराज! तू अव्याकुल चित्त से सुन—जैसे कोई पुरुष अनाथ होता है और जिस रूप में मैंने उसका प्रयोग किया है।''

१८. कोसंबी नाम नयरी, पुराणपुरभेयणी।

तत्थ आसी पिया मज्झ, पभूयधणसंचओ।।

''प्राचीन नगरों में असाधारण सुन्दर११ कौशाम्बी नाम की नगरी है। वहां मेरे पिता रहते हैं। उनके पास प्रचुर धन का संचय है।''

१९. पढमे वए महाराय!, अउला मे अच्छिवेयणा।

अहोत्था विउलो दाहो, सव्वंगेसु य पत्थिवा!।।

''महाराज! प्रथम-वय (यौवन) में मेरी आंखों में असाधारण वेदना उत्पन्न हुई। पार्थिव! मेरा समूचा शरीर पीड़ा देने वाली जलन से जल उठा।''

२०. सत्थं जहा परमतिक्खं, सरीरविवरंतरे।

पवेसेज्ज अरी कुद्धो, एवं मे अच्छिवेयणा।।

''जैसे कुपित बना हुआ शत्रु शरीर के छेदों में अत्यन्त तीखे शस्त्रों को घुसेड़ता है, उसी प्रकार मेरी आखों में वेदना हो रही थी।''

२१. तियं मे अंतरिच्छं च, उत्तमंगं च पीडई।

इंदासणिसमा घोरा, वेयणा परमदारुणा।।

''मेरे कटि, अन्तश्‍चेतना१२ और मस्तक में परम दारुण वेदना हो रही थी, जैसे इन्द्र का वज्र लगने से घोर वेदना होती है।''

२२. उवट्ठिया मे आयरिया, विज्जामंततिगिच्छगा।

अबीया सत्थकुसला, मंतमूलविसारया।।

''विद्या और मन्त्र के द्वारा चिकित्सा करने वाले मन्त्र और औषधियों के विशारद अद्वितीय शास्त्र-कुशल प्राणाचार्य मेरी चिकित्सा करने के लिए उपस्थित हुए।''१३

२३. ते मे तिगिच्छं कुव्वंति, चाउप्पायं जहाहियं।

न य दुक्खा विमोयंति, एसा मज्झ अणाहया।।

''उन्होंने गुरु-परंपरा से प्राप्त१४ आयुर्विद्या के आधार पर मेरी चतुष्पाद-चिकित्सा१५की, किन्तु वे मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सके—यह मेरी अनाथता है।''

२४. पिया मे सव्वसारं पि, दिज्जाहि मम कारणा।

न य दुक्खा विमोएइ, एसा मज्झ अणाहया।।

''मेरे पिता ने मेरे लिए उन प्राणाचार्यों को बहुमूल्य वस्तुएं दीं, किन्तु वे (पिता) मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सके—यह मेरी अनाथता है।''

२५. माया य मे महाराय!, पुत्तसोगदुहट्टिया।

न य दुक्खा विमोएइ, एसा मज्झ अणाहया।।

''महाराज! मेरी माता पुत्र-शोक के दु:ख से पीड़ित होती हुई भी मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सकी—यह मेरी अनाथता है।''

२६. भायरो मे महाराय!, सगा जेट्ठकणिट्ठगा।

न य दुक्खा विमोयंति, एसा मज्झ अणाहया।।

''महाराज! मेरे बड़े-छोटे सगे भाई भी मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सके—यह मेरी अनाथता है।''

२७. भइणीओ मे महाराय!, सगा जेट्ठकणिट्ठगा।

न य दुक्खा विमोयंति, एसा मज्झ अणाहया।।

''महाराज! मेरी बड़ी-छोटी सगी बहनें भी मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सकीं—यह मेरी अनाथता है।''

२८. भारिया मे महाराय!, अणुरत्ता अणुव्वया।

अंसुपुण्णेहिं नयणेहिं, उरं मे परिसिंचई।।

''महाराज! मुझमें अनुरक्त और पतिव्रता१६ मेरी पत्‍नी आंसू भरे नयनों से मेरी छाती को भिगोती रही।''

२९. अन्नं पाणं च ण्हाणं च, गंधमल्लविलेवणं।

मए नायमणायं वा, सा बाला नोवभुंजई।।

''वह बाला मेरे प्रत्यक्ष और परोक्ष में अन्न, पान, स्‍नान१७, गन्ध, माल्य और विलेपन का भोग नहीं कर रही थी।''

३०. खणं पि मे महाराय!, पासाओ वि न फिट्टई।

न य दुक्खा विमोएइ, एसा मज्झ अणाहया।।

''महाराज! वह क्षण भर के लिए भी मुझसे दूर नहीं हो रही थी१८, किन्तु वह मुझे दु:ख से मुक्त नहीं कर सकी—यह मेरी अनाथता है।''

३१. तओ हं एवमाहंसु, दुक्खमा हु पुणो पुणो।

वेयणा अणुभविउं जे, संसारम्मि अणंतए।।

''तब मैंने इस प्रकार कहा—इस अनन्त संसार में बार-बार दुस्सह्य१९ वेदना का अनुभव करना होता है।''

३२. सइं च जइ मुच्चेज्जा, वेयणा विउला इओ।

खंतो दंतो निरारंभो, पव्वए अणगारियं।।

''इस विपुल वेदना से यदि मैं एक बार ही मुक्त हो जाऊं तो क्षान्त, दान्त और निरारम्भ होकर अनगारवृत्ति को स्वीकार कर लूं।''

३३. एवं च चिंतइत्ताणं, पसुत्तो मि नराहिवा!।

परियट्टंतीए राईए, वेयणा मे खयं गया।।

''हे नराधिप! ऐसा चिन्तन कर मैं सो गया। बीतती हुई रात्रि के साथ-साथ मेरी वेदना भी क्षीण हो गई।''२०

३४. तओ कल्ले पभायम्मि, आपुच्छित्ताण बंधवे।

खंतो दंतो निरारंभो, पव्वइओऽणगारियं।।

''उसके पश्‍चात् प्रभातकाल से मैं स्वस्थ२१ हो गया। मैं अपने बन्धु-जनों को पूछ, क्षान्त, दान्त और निरारम्भ होकर अनगारवृत्ति में आ गया।''

३५. ततो हं नाहो जाओ, अप्पणो य परस्स य।

सव्वेसिं चेव भूयाणं, तसाण थावराण य।।

''तब मैं अपना तथा दूसरों का तथा सभी—त्रस और स्थावर जीवों का नाथ हो गया।''

३६. अप्पा नई वेयरणी, अप्पा मे कूडसामली।

अप्पा कामदुहा धेणू, अप्पा मे नंदणं वणं।।

''मेरी आत्मा ही वैतरणी नदी है और आत्मा ही कूट शाल्मली२२ वृक्ष है, आत्मा ही कामदुधा धेनु है और आत्मा ही नन्दन वन है।''

३७. अप्पा कत्ता विकत्ता य, दुहाण य सुहाण य।

अप्पा मित्तममित्तं च, दुप्पट्ठियसुपट्ठिओ।।

''आत्मा ही दु:ख-सुख की करने वाली और उनका क्षय करने वाली है। सत्प्रवृत्ति में लगी हुई आत्मा ही मित्र है और दुष्प्रवृत्ति में लगी हुई आत्मा ही शत्रु है।''

३८. इमा हु अन्ना वि अणाहया निवा!, तमेगचित्तो निहुओ सुणेहि।

नियंठधम्मं लहियाण वी जहा, सीयंति एगे बहुकायरा नरा।।

''हे राजन्! यह एक दूसरी अनाथता ही है। एकाग्र-चित्त, स्थिर-शान्त होकर तुम उसे मुझसे सुनो! जैसे कई एक व्यक्ति बहुत कायर होते हैं। वे निर्ग्रन्थ-धर्म को पाकर भी कष्टानुभव करते हैं— निर्ग्रन्थाचार का पालन करने में शिथिल हो जाते हैं।''२३

३९. जो पव्वइत्ताण महव्वयाइं, सम्मं नो फासयई पमाया।

अनिग्गहप्पा य रसेसु गिद्धे, न मूलओ छिंदइ बंधणं से।।

''जो महाव्रतों को स्वीकार कर भलीभांति उनका पालन नहीं करता, अपनी आत्मा का निग्रह नहीं करता, रसों में मूर्च्छित होता है, वह बन्धन का मूलोच्छेद नहीं कर पाता।''

४०. आउत्तया जस्स न अत्थि काइ, इरियाए भासाए तहेसणाए।

आयाणनिक्खेवदुगुंछणाए, न वीरजायं अणुजाइ मग्गं।।

''ईर्या, भाषा, एषणा, आदान-निक्षेप और उच्चार-प्रस्रवण की परिस्थापना में जो सावधानी२४ नहीं बर्तता, वह उस मार्ग का अनुगमन नहीं कर सकता जिस पर वीर-पुरुष चले हैं।''२५

४१. चिरं पि से मुंडरुई भवित्ता, अथिरव्वए तवनियमेहि भट्ठे।

चिरं पि अप्पाण किलेसइत्ता, न पारए होई हु संपराए।।

''जो व्रतों में स्थिर नहीं है, तप और नियमों२६ से भ्रष्ट है, वह चिरकाल से मुण्डन में रुचि२७ रखकर भी चिरकाल तक आत्मा को कष्ट देकर भी संसार का पार नहीं पा सकता।''

४२. पोल्ले व मुट्ठी जह से असारे, अयंतिए कूडकहावणे वा।

राढामणी वेरुलियप्पगासे, अमहग्घए होइ य जाणएसु।।

''जो पोली मुट्ठी की भांति असार है, खोटे सिक्के२८ की भांति मुद्रा रहित२९ है, काचमणि होते हुए भी वैडूर्य जैसे चमकता है, वह जानकार व्यक्तियों की दृष्टि में मूल्य-हीन हो जाता है।''

४३. कुसीललिंगं इह धारइत्ता, इसिज्झयं जीविय वूहइत्ता।

असंजए संजयलप्पमाणे, विणिघायमागच्छइ से चिरं पि।।

''जो कुशील-वेश३० और ऋषि-ध्वज (रजोहरण आदि मुनि-चिन्हों) को धारण कर उनके द्वारा जीविका चलाता है, असंयत होते हुए भी अपने आपको संयत कहता है, वह चिरकाल तक विनाश को प्राप्त होता है।''

४४. विसं तु पीयं जह कालकूडं, हणाइ सत्थं जह कुग्गहीयं।

एसे व धम्मो विसओववन्नो, हणाइ वेयाल इवाविवन्नो।।

''पिया हुआ काल-कूट विष, अविधि से पकड़ा हुआ शस्त्र और नियन्त्रण में नहीं लाया हुआ वेताल जैसे विनाशकारी होता है३१, वैसे ही यह विषयों से युक्त३२ धर्म भी विनाशकारी होता है।''

४५. जे लक्खणं सुविण पउंजमाणे, निमित्तकोऊहलसंपगाढे।

कुहेडविज्जासवदारजीवी, न गच्छई सरणं तम्मि काले।।

''जो लक्षण-शास्त्र, स्वप्‍न शास्त्र का प्रयोग करता है, निमित्त शास्त्र और कौतुक कार्य में अत्यन्त आसक्त है, मिथ्या आश्‍चर्य उत्पन्न करने वाले३३ विद्यात्मक, आश्रव द्वार से जीविका चलाता है, वह कर्म का फल भुगतने के समय किसी की शरण को प्राप्त नहीं होता।''

४६. तमंतमेणेव उ से असीले, सया दुही विप्परियासुवेइ।

संधावई नरगतिरिक्खजोणिं, मोणं विराहेत्तु असाहुरूवे।।

''वह शील-रहित साधु अपने तीव्र अज्ञान से सतत दु:खी होकर विपर्यास को प्राप्त हो जाता है।३४ वह असाधु प्रकृति वाला मुनि धर्म की विराधना कर नरक और तिर्यग्योनि में आता-जाता रहता है।''

४७. उद्देसियं कीयगडं नियागं, न मुंचई किंचि अणेसणिज्जं।

अग्गी विवा सव्वभक्खी भवित्ता, इओ चुओ गच्छइ कट्टु पावं।।

''जो औद्देशिक, क्रीतकृत, नित्याग्र३५ और कुछ भी अनेषणीय को नहीं छोड़ता, वह अग्‍नि की तरह सर्व-भक्षी होकर, पाप-कर्म का अर्जन करता है और यहां से मरकर दुर्गति में जाता है।''

४८. न तं अरी कंठछेत्ता करेइ, जं से करे अप्पणिया दुरप्पा।

से नाहिई मच्चुमुहं तु पत्ते, पच्छाणुतावेण दयाविहूणो।।

''अपनी दुष्प्रवृत्ति जो अनर्थ उत्पन्न करती है वह अनर्थ गला काटने वाला शत्रु भी नहीं करता। वह दुष्प्रवृत्ति करने वाला दया३६ विहीन मनुष्य मृत्यु के मुख में पहुंचने के समय पश्‍चात्ताप के साथ इस तथ्य को जान जाएगा।''

४९. निरट्ठिया नग्गरुई उ तस्स, जे उत्तमट्ठं विवज्जासमेई।

इमे वि से नत्थि परे वि लोए, दुहओ वि से झिज्जइ तत्थ लोए।।

''जो अन्तिम समय की आराधना३७ में भी विपरीत बुद्धि रखता है—दुष्प्रवृत्ति को सत् प्रवृत्ति मानता है उसकी संयम-रुचि भी निरर्थक है। इसके लिए यह लोक भी नहीं है, परलोक भी नहीं है। वह दोनों लोकों से भ्रष्ट होकर दोनों लोकों के प्रयोजन की पूर्ति न कर सकने के कारण चिन्ता से छीज जाता है।''

५०. एमेवहाछंदकुसीलरूवे, मग्गं विराहेत्तु जिणुत्तमाणं।

कुररी विवा भोगरसाणुगिद्धा, निरट्ठसोया परियावमेइं।।

''इसी प्रकार यथाछन्द (स्वच्छन्द भाव से विहार करने वाले) और कुशील साधु जिनोत्तम भगवान् के मार्ग की विराधना कर परिताप को प्राप्त होते हैं, जैसे—भोग-रस में आसक्त होकर अर्थ-हीन चिन्ता करने वाली गीध पक्षिणी।''

५१. सोच्चाण मेहावि सुभासियं इमं, अणुसासणं नाणगुणोववेयं।

मग्गं कुसीलाण जहाय सव्वं, महानियंठाण वए पहेणं।।

''मेधावी पुरुष इस सुभाषित, ज्ञान-गुण से युक्त अनुशासन को सुनकर कुशील व्यक्तियों के सारे मार्ग को छोड़कर महा-निर्ग्रन्थ के मार्ग से चले।''

५२. चरित्तमायारगुणन्निए तओ, अणुत्तरं संजम पालियाणं।

निरासवे संखवियाण कम्मं, उवेइ ठाणं विउलुत्तमं धुवं।।

''फिर चरित्र के आचरण और ज्ञान आदि गुणों से सम्पन्न निर्ग्रन्थ अनुत्तर संयम का पालन कर, कर्मों का क्षय कर निरास्रव होता है और वह विपुलोत्तम शाश्‍वत मोक्ष में चला जाता है।''

५३. एवुग्गदंते वि महातवोधणे, महामुणी महापइण्णे महायसे।

महानियंठिज्जमिणं महासुयं, से काहए महया वित्थरेणं।।

इस प्रकार उग्र-दान्त, महा-तपोधन, महा-प्रतिज्ञ, महान् यशस्वी उस महामुनि ने इस महाश्रुत, महानिर्ग्रन्थीय अध्ययन को महान् विस्तार के साथ कहा।

५४. तुट्ठो य सेणिओ राया, इणमुदाहु कयंजली।

अणाहत्तं जहाभूयं, सुट्ठु मे उवदंसियं।।

श्रेणिक राजा तुष्ट हुआ और दोनों हाथ जोड़कर इस प्रकार बोला—''भगवन्! तुमने अनाथ का यथार्थ स्वरूप मुझे समझाया है।''

५५. तुज्झं सुलद्धं खु मणुस्सजम्मं, लाभा सुलद्धा य तुमे महेसी!।

तुब्भे सणाहा य सबंधवा य, जं भे ठिया मग्गे जिणुत्तमाणं।।

''हे महर्षि! तुम्हारा मनुष्य-जन्म सुलब्ध है—सफल है। तुम्हें जो उपलब्धियां हुई हैं वे भी सफल हैं। तुम सनाथ हो, सबान्धव हो, क्योंकि तुम जिनोत्तम (तीर्थंकर) के मार्ग में अवस्थित हो।''

५६. तं सि नाहो अणाहाणं, सव्वभूयाण संजया!।

खामेमि ते महाभाग!, इच्छामि अणुसासिउं।।

''तुम अनाथों के नाथ हो, तुम सब जीवों के नाथ हो। हे महाभाग! मैं तुमसे क्षमा चाहता हूं और तुमसे मैं अनुशासित होना चाहता हूं।''

५७. पुच्छिऊण मए तुब्भं, झाणविग्घो उ जो कओ।

निमंतिओ य भोगेहिं, तं सव्वं मरिसेहि मे।।

''मैंने तुमसे प्रश्‍न कर जो ध्यान में विघ्न किया और भोगों के लिए निमन्त्रण दिया उन सबको तुम सहन करो—क्षमा करो।''

५८. एवं थुणित्ताण स रायसीहो, अणगारसीहं परमाइ भत्तिए।

सओरोहो य सपरियणो य, धम्माणुरत्तो विमलेण चेयसा।।

इस प्रकार राजसिंह—श्रेणिक अनगार-सिंह की परम भक्ति से स्तुति कर अपने विमल चित्त से रनिवास, परिजन और बन्धु-जन सहित धर्म में अनुरक्त हो गया।

५९. ऊससियरोमकूवो, काऊण य पयाहिणं।

अभिवंदिऊण सिरसा, अइयाओ नराहिवो।।

राजा के रोम-कूप उच्छ्वसित हो रहे थे। वह मुनि की प्रदक्षिणा कर, सिर झुका, वन्दना कर चला गया।

६०. इयरो वि गुणसमिद्धो, तिगुत्तिगुत्तो तिदंडविरओ य।

विहग इव विप्पमुक्को, विहरइ वसुहं विगयमोहो।।

वह गुण से समृद्ध, त्रिगुप्तियों से गुप्त, तीन दण्डों से विरत और निर्मोह मुनि भी विहग की भांति स्वतन्त्र भाव से भूतल पर विहार करने लगे।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २० : महानिर्ग्रन्थीय

१. सिद्धों और संयत आत्माओं को भावभरा नमस्कार कर (सिद्धाणं नमो......भावओ)

इस अध्ययन का प्रारम्भ नमस्कार के साथ हुआ है। आगम-साहित्य में मंगल-विधि का प्रयोग विरल ही मिलता है। यहां सिद्धों और संयतों को नमस्कार किया गया है।

वृत्तिकार ने 'संयत' शब्द से आचार्य, उपाध्याय और सर्वसाधु का ग्रहण किया है।

खारवेल का शिलालेख, जो ईस्वी पूर्व १५२ का है, उसमें 'नमो अरहंताणं', 'नमो सब्ब सिधाणं'—इन दोनों पदों को नमस्कार किया गया है।

इस प्रकार नमस्कार मंगल की परम्पराएं भिन्न-भिन्न रही हैं।

२. अर्थ और धर्म का ज्ञान कराने वाली तथ्यपूर्ण (अत्थधम्मगइं तच्चं)

यहां 'अत्थधम्मगइं तच्चं' तथा अध्ययन २८/१ में 'मोक्खमग्गगई तच्चं'—इन दोनों में 'गइ' का अर्थ ज्ञान होना चाहिए। आप्टे ने 'गइ' का अर्थ ज्ञान किया है। डॉ० हर्मन जेकोबी ने 'गइ' का अर्थ मोक्ष किया है तथा अर्थ, धर्म और मोक्ष—इन तीनों की चर्चा करते हुए वे लिखते हैं—''मैं सोचता हूं कि 'अत्थधम्मगइं' द्वारा अर्थ, धर्म और मोक्ष की चर्चा की गई है। यद्यपि वृत्तिकार गति का अर्थ ज्ञान करते हैं। 'कामार्थ-धर्ममोक्ष'—इस उक्तिविशेष में से काम को निकाल दिया गया है, क्योंकि साधुओं के लिए काम वर्जनीय है।''

२८ वें अध्ययन से यह स्पष्ट है कि 'गइ' का अर्थ मोक्ष नहीं है। अर्थ शब्द के अनेक अर्थ हैं। यहां इसका प्रयोग पदार्थ, साध्य या लक्ष्य के लिए किया गया प्रतीत होता है। इस प्रकार मोक्ष और धर्म—दो पुरुषार्थ की चर्चा प्रासंगिक है। 'अत्थधम्मगइं' का तात्पर्य होगा—पदार्थ, साध्यभूत मोक्ष और साधनभूत धर्म का ज्ञान।

'तच्चं' शब्द यथार्थवाद का द्योतक है। दर्शन जगत् में दो धाराएं हैं—एक प्रत्ययवाद की, दूसरी यथार्थवाद की। प्रत्ययवाद चेतना के अस्तित्व को मूल मानकर पदार्थ को केवल उसी चेतना के प्रत्यय रूप बताता है, जबकि यथार्थवाद प्रत्येक पदार्थ का वस्तुनिष्ठ अस्तित्व निरूपित करता है। 'तच्चं' तथ्य या यथार्थ के निरूपण का संकेत है। इससे यथार्थवाद फलित होता है।

जैन दर्शन पदार्थ की सत्ता को यथार्थ मानता है। 'अत्थधम्मगइं तच्चं' का तात्पर्य होगा—यथार्थवाद, जहां अर्थ (पदार्थ) और धर्म का निरूपण है।

२८/१ में 'मोक्खमग्गगइं तच्चं' का तात्पर्य होगा—यथार्थवाद, जहां मोक्ष मार्ग का निरूपण है।

'अर्थ तत्त्व का' तात्पर्य है—वस्तु का सही रूप या वास्तविक सत्य।

३. रत्‍नों से (...रयणो)

यहां 'रयण' शब्द के दो अर्थ हैं—(१) हीरा, पन्ना आदि रत्‍न तथा (२) विशिष्ट हाथी, घोड़े।

राजाओं की ऋद्धि-सिद्धि में विशिष्ट लक्षणयुक्त हाथी-घोड़ों को भी 'रत्‍न' माना गया है।

४. आश्‍चर्य! कैसा वर्ण और कैसा रूप है (अहो! वण्णो अहो! रूवं)

प्रस्तुत श्‍लोक में अनाथी मुनि की शरीर संपदा के लिए दो शब्दों का प्रयोग हुआ है—वर्ण और रूप। वर्ण का अर्थ है—लावण्य और रूप का अर्थ है—शरीर का आकार।

५. प्रदक्षिणा (पयाहिणं)

इस श्‍लोक में वन्दन के पश्‍चात् 'प्रदक्षिणा' का कथन आया है। वन्दन के साथ ही 'प्रदक्षिणा' की विधि रही है तो यहां वन्दन के बाद प्रदक्षिणा का कथन कैसे—यह प्रश्‍न हो सकता है।

बृहद् वृत्तिकार ने इसका समाधान यों दिया है कि पूज्य व्यक्तियों के दीखते ही वन्दना करनी चाहिए। इसकी सूचना देने के लिए प्रदक्षिणा का उल्लेख बाद में किया गया है। किन्तु यह समाधान हृदय का स्पर्श नहीं करता। क्या इस श्‍लोक से यह सूचना नहीं मिलती कि वन्दना के बाद प्रदक्षिणा दी जाती थी?

६. नाथ (नाहो)

अप्राप्य वस्तु की प्राप्ति को 'योग' और प्राप्य वस्तु के संरक्षण को 'क्षेम' कहा जाता है। जो योग-क्षेम करने वाला होता है, वह 'नाथ' कहलाता है। अनाथी मुनि ने श्रेणिक से कहा—''गृहस्थ-जीवन में मेरा कोई नाथ नहीं था। मैं मुनि बना और नाथ हो गया—अपना, दूसरों का और सब जीवों का''

बौद्ध साहित्य में १० नाथ-करण धर्मों का निरूपण इस प्रकार मिलता है—

कौन दस धर्म बहुत उपकारक हैं? दस नाथ-करण धर्म—

(१) आवुसो! भिक्षु शीलवान्, प्रातिमोक्ष (भिक्षुनियम)-संवर (कवच) से संवृत (आच्छादित) होता है। थोड़ी सी बुराइयों (वद्य) में भी भय-दर्शी, आचार-गोचर-युक्त हो विहरता है, (शिक्षापदों को) ग्रहण कर शिक्षापदों को सीखाता है। जो यह आवुसो! भिक्षु शीलवान्, यह भी धर्म नाथ-करण (न अनाथ करने वाला) है।

(२) भिक्षु बहुश्रुत, श्रुतधर, श्रुत-संचयवान् होता है। जो वह धर्म आदि-कल्याण, मध्य-कल्याण, पर्यवसान-कल्याण, सार्थक=सव्यंजन हैं, (जिसे) केवल, परिपूर्ण, परिशुद्ध ब्रह्मचर्य कहते हैं, वैसे धर्म, (भिक्षु) के बहुत सुने, ग्रहण किए, वाणी से परिचित, मन से अनुपेक्षित, दृष्टि से सुप्रतिविद्ध (अन्तस्तल तक देखे) होते हैं; यह भी धर्म नाथ-करण होता है।

(३) भिक्षु कल्याण-मित्र=कल्याण-सहाय=कल्याण-संप्रवर्तक होता है। जो यह भिक्षु कल्याण-मित्र होता है, यह भी।

(४) भिक्षु सुवच, सौवचस्य (मधुरभाषित) वाले धर्मों से युक्त होता है। अनुशासनी (धर्म-उपदेश) में प्रदक्षिणाग्राही=समर्थ (क्षम) (होता है), यह भी।

(५) भिक्षु सुब्रह्मचारियों के जो नाना प्रकार के कर्त्तव्य होते हैं, उनमें दक्ष=आलस्य-रहित होता है, उनमें उपाय=विमर्श से युक्त, करने में समर्थ=विधान में समर्थ होता है, यह भी।

(६) भिक्षु अभिधर्म (सूत्र में), अनि-विनय (भिक्षु-नियमों में), धर्म-काम (धर्मेच्छु), प्रिय-समुदाहार (दूसरे के उपदेश को सत्कार पूर्वक सुनने वाला, स्वयं उपदेश करने में उत्साही), बड़ा प्रमुदित होता है, यह भी।

(७) भिक्षु जैसे तैसे चीवर, पिंडपात, शयनासन, ग्लान-प्रत्यय-भैषज्य-परिष्कार से सन्तुष्ट होता है।

(८) भिक्षु अकुशल-धर्मों के विनाश के लिए, कुशल-धर्मों की प्राप्ति के लिए उद्योगी (आरब्ध-वीर्य), स्थामवान्=दृढ़पराक्रम होता है। कुशल-धर्मों में अनिक्षिप्त=धुर (भगोड़ा नहीं) होता।

(९) भिक्षु स्मृमिमान्, अत्युत्तम स्मृति-परिपाक से युक्त होता है; बहुत पुराने किए, बहुत पुराने भाषण किए का भी स्मरण करने वाला, अनुस्मरण करने वाला होता है।

(१०) भिक्षु प्रज्ञावान् उदय-अस्त-गामीनी, आर्य निर्बेधिक (अन्तस्तल तक पहुंचने वाली), सम्यक्-दु:खक्षय-गामिनी प्रज्ञा से युक्त होता है।

७. (कहं नाहो न विज्जई)

श्रेणिक ने मुनि अनाथी से कहा—आपका वर्ण और आकार विस्मयकारी है। इस संपदा से युक्त होने पर भी आपके कोई नाथ नहीं हैं, यह कैसे? क्योंकि यह लौकिक प्रवाद है—'यत्राकृतिस्तत्र गुणा: वसन्ति'—जहां आकृति है वहां गुणों का निवास है। आप प्रशस्त आकृति के धारक हैं, इसलिए आप गुणों के आकर हैं। और भी कहा है—'गुणवति धनं तत: श्री: श्रीमत्याज्ञा ततो राज्यमिति'—गुणवान् के प्रति धन आता है। उससे उसकी श्री—शोभा बढ़ती है। उसमें आदेश देने की क्षमता बढ़ती है और अन्ततोगत्वा वह राजा होता है।

८. आज्ञा और ऐश्‍वर्य (आणाइस्सरियं)

आज्ञा का अर्थ है—अस्खलित अनुशासन। वैसी आज्ञा जिसका कोई उल्लंघन करने का साहस न कर सके।

ऐश्‍वर्य का अर्थ है—अपार संपदा, अमित समृद्धि। इसका दूसरा अर्थ है—प्रभुत्व।

९. (श्‍लोक १४)

मनुष्य के पास तीन शक्तियां होती हैं—संपदा की शक्ति, ऐश्‍वर्य—सत्ता की शक्ति और अध्यात्म की शक्ति। जिनके पास इन तीनों में से एक भी शक्ति होती है वह इष्टसिद्धि करने में सफल हो जाता है। इसलिए सम्राट् श्रेणिक ने अपने ऐश्‍वर्य की ओर मुनि का ध्यान आकर्षित किया। ऐश्‍वर्य के निदर्शन के रूप में एक कथा प्रचलित है—

एक बार राजा और मंत्री में विवाद हो गया कि बड़ा कौन? अन्त में तय हुआ कि जो अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर सके वही बड़ा होगा। कुछ दिन बीते। राज्य सभा जुड़ी हुई थी। सभी सभासद् अपने-अपने स्थान पर बैठे हुए थे। अवसर देखकर मंत्री ने अपने एक परम मित्र सभासद् को राजा के चाटें लगाने का निर्देश दिया। यह सुनते ही वह व्यक्ति सकपकाया और घबराया। मंत्री के द्वारा आश्‍वत होने पर भी उसकी हिम्मत नहीं हुई कि वह राजा पर प्रहार कर दे। राजा के सामने मंत्री की शक्ति व्यर्थ चली गई।

अब राजा की बारी थी कि वह अपनी शक्ति का प्रदर्शन करे। एक दिन उसने भी अपने किसी सामन्त को आज्ञापित करने हुए मंत्री को चांटे लगाने का निर्देश दिया। सामन्त ने आव देखा न ताव वह तत्काल उठा और सबके देखते-देखते मंत्री के मुंह पर तमाचा जड़ दिया।

राजा के पास सत्ता की शक्ति थी, जिसके आधार पर वह सब कुछ करा सकता था। मंत्री के पास वैसी शक्ति नहीं थी। यह अन्तर केवल सत्ता और असत्ता का ही था।

१०. उत्पत्ति (पोत्थं)

'पोत्थं' शब्द के दो संस्कृत रूप होते हैं—प्रोत्थां और पुस्तम्। वृत्तिकार ने प्रोत्थां का अर्थ मूल उत्पत्ति किया है। प्रस्तुत संदर्भ में यही अर्थ संगत लगता है।

११. प्राचीन नगरों में असाधारण सुन्दर (पुराणपुरभेयणी)

वृत्तिकार ने इसका शाब्दिक अर्थ—अपने गुणों से असाधारण होने के कारण अन्य नगरों से अपनी भिन्नता दिखाने वाला नगर किया है। उन्होंने एक पाठान्तर—'नगराण पुडभेयण' का उल्लेख किया है। इसका अर्थ है—प्रधान नगरी।

डॉक्टर हर्मन जेकोबी ने मूल में इसका अर्थ इन्द्र किया है तथा इसकी मीमांसा करते हुए लिखा है—उत्तराध्ययन के वृत्तिकार इसका शाब्दिक अर्थ मात्र प्रस्तुत करते हैं। किन्तु यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि पुरभेदन का अर्थ पुरंदर—इन्द्र या पुरभिद्—शिव होना चाहिए। पुरभिद् का एक अर्थ इन्द्र भी है।

प्रस्तुत प्रसंग में डॉक्टर हर्मन जेकोबी का यह अर्थ उपयुक्त नहीं लगता। 'पुराणपुरभेयणी' यह कोशांबी का विशेषण है और यह उसकी प्रधानता का सूचक मात्र है।

१२. अन्तश्‍चेतना (अंतरिच्छं)

'अंतरिच्छं' शब्द के दो संस्कृत रूप बनते हैं—अन्तरेच्छं और अन्तरिक्षम्। वृत्तिकार ने अंतरेच्छं शब्द को मानकर उसका अर्थ मध्यवर्ती इच्छा किया है। प्रस्तुत संदर्भ में अंतरिक्ष शब्द अधिक संगत लगता है। उसका अर्थ है—अंतश्‍चेतना।

१३. (श्‍लोक २२)

प्राचीन काल में चिकित्सा की मुख्यत: दो पद्धतियां थीं—औषध विज्ञान और भेषज विज्ञान। प्राणाचार्य द्रव्यों के रासायनिक विज्ञान के द्वारा शरीर के रोगों का निवारण करते थे। वे द्रव्यगुण परिज्ञान में निष्णात होते थे। यह औषध विज्ञान की चिकित्सा पद्धति है।

इस पद्धति के साथ-साथ मंत्र-तंत्र की चिकित्सा पद्धति का भी विकास हुआ और चिकित्सा की दृष्टि से अनेक मांत्रिक तथा तांत्रिक ग्रन्थों की रचना हुई। इस चिकित्सा पद्धति का नाम भेषज विज्ञान था। इन चिकित्सा पद्धतियों से रोग निवारण करने वाले प्राणाचार्य कहलाते थे।

प्रस्तुत श्‍लोक में प्रयुक्त 'आयरिअ' शब्द प्राणाचार्य का वाचक है। यहां तीन विशेषण प्रयुक्त हैं—विद्या-मंत्र-चिकित्सक, शस्त्रकुशल या शास्त्रकुशल चिकित्सक तथा मंत्रमूल विशारद। ये तीनों विशेषण भिन्न-भिन्न प्राणाचार्यों के द्योतक हैं। एक ही व्यक्ति इन तीनों में विशारद हो, ऐसा आवश्यक नहीं था। कोई आयुर्वेद में, कोई मंत्र-विद्या में और कोई शल्य-चिकित्सा में निष्णात होता था।

१४. गुरु परम्परा से प्राप्त (जहाहियं)

वृत्तिकार ने इसके दो संस्कृत रूपों की व्याख्या की है—१. यथाहितं—हित के अनुरूप २. यथाधीतं—गुरु परम्परा से आगत वमन-विरेचन आदि रूप वाली चिकित्सा। इसके दो संस्कृत रूप और हो सकते हैं—१.यथाऽहितं २. यथाहृतं। अधीत का संस्कृत रूप अहिय भी बनता है। अनुवाद यथाधीत के आधार पर किया गया है।

१५. चतुष्पाद (चाउप्पायं)

चिकित्सा के चार पाद होते हैं—वैद्य, औषध, रोगी और रोगी की शुश्रूषा करने वाले परिचारक। जहां इन चारों का पूर्ण योग होता है, उसे 'चतुष्पाद-चिकित्सा' कहते हैं। स्थानांग में इन चारों अंगों को 'चिकित्सा' कहा गया है।

१६. पतिव्रता (अणुव्वया)

जिसका व्रत—आचार कुल के अनुरूप होता है वह स्त्री अनुव्रता कहलाती है। वृत्तिकार ने इसका अर्थ पतिव्रता किया है। अणुव्वया का वैकल्पिक अर्थ अनुवया—तुल्यवयवाली हो सकता है।

१७. स्‍नान (ण्हाणं)

स्‍नान का सामान्य अर्थ है—नहाना। यहां स्‍नान का अर्थ है—स्‍नान का साधन, सुगंधित पानी आदि।

देखें—दसवेआलियं ६।६३ का टिप्पण।

१८. (फिट्टई)

भ्रंश् धातु को प्राकृत में फिट्ट आदेश होता है। इसका अर्थ है—दूर होना या नष्ट होना।

१९. दुस्सह्य (दुक्खमा हु)

इसके संस्कृत में दो रूप हो सकते हैं—दु:क्षमा खलु, दु:खमाहु:। दु:क्षमा—यह वेदना का विशेषण है इसका अर्थ है—दुस्सह्य। दुक्खमाहु—इसको संयुक्त मानने पर अर्थ होगा—वेदना का अनुभव करना। यहां आहु: क्रियापद है।

२०. (श्‍लोक ३२-३३)

प्रस्तुत प्रकरण श्रद्धा चिकित्सा (Faith healing) और संकल्प का स्पष्ट निदर्शन है। अनाथी मुनि आंखों की भयंकर वेदना से पीड़ित थे। सभी प्रकार की चिकित्साएं—औषधोपचार करने पर भी उनका रोग उपशांत नहीं हुआ। जब सारे उपचार और सारे चिकित्सक उनके लिए अकिञ्चित्कर हो गए तब उन्होंने अपने लिए एक चिकित्सा की। वह उनके लिए अचूक सिद्ध हुई। वह थी श्रद्धा चिकित्सा। श्रद्धा, आत्म-विश्‍वास और दृढ़ संकल्प के द्वारा वे रोग मुक्त हो गये। मन ही मन अनाथी मुनि ने एक संकल्प लिया—यदि मैं इस विपुल वेदना से मुक्त हो जाऊं तो मैं अनगार वृत्ति को स्वीकार कर लूंगा। इस संकल्प के साथ वे कायोत्सर्ग की मुद्रा में सो गये। भावना का अतिरेक श्रद्धा, आस्था और आत्मविश्‍वास में परिणत हो गया। उस आस्था ने ही संकल्प को अध्यवसाय, सूक्ष्मतम शरीर तक पहुंचा दिया।

ज्यों-ज्यों रात बीती उनका संकल्प फलवान् बनता गया। अब संकल्प संकल्प न रहकर साध्य बन गया। सूर्योदय होने पर वे इस भयंकर बीमारी से सर्वथा मुक्त हो गए।

२१. स्वस्थ (कल्ले)

यहां कल्ले शब्द के दो अर्थ हो सकते हैं—नीरोग और आने वाला दिन। प्रस्तुत सन्दर्भ में इसका अर्थ स्वस्थ किया गया है।

२२. कूटशाल्मली (कूडसामली)

ये वृक्ष विशाल होते हैं और इनकी डालियों पर छोटे-छोटे नुकीले कांटे होते हैं। फलों में से सफेद रूई निकलती है। हिन्दी में इनका नाम सेमल या सेमर है।

भावप्रकाशनिघण्टु में कूटशाल्मली और शाल्मली—इन दोनों का पृथक् उल्लेख मिलता है। इन दोनों वृक्षों में समानताएं अधिक हैं, भेद कम है।

२३. (श्‍लोक ३८)

डॉ० हरमन जेकोबी ने ३८ से ५३ तक की गाथाओं को प्रक्षिप्त माना है। उन्होंने इसके दो कारण बताए हैं—

१. इन गाथाओं का प्रतिपाद्य विषय संदर्भ के साथ मेल नहीं खाता।

२. एक से सेंतीस गाथाओं का छन्द एक प्रकार का है और ३८ से ५३ तक की गाथाओं का छन्द भिन्न प्रकार का है।

डॉक्टर हरमन जेकोबी का यह अनुमान उचित लगता है। अनाथता की चर्चा नौवें श्‍लोक से शुरू होती है और वह ३७वें श्‍लोक में संपन्न हो जाती है। उसके पश्‍चात् 'तुट्ठो य सेणियो राया' इस ५४वें श्‍लोक में सम्राट् श्रेणिक मुनि के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। इस प्रकार यह कथावस्तु सहज प्रासंगिक बन जाती है।

२४. सावधानी (आउत्तया)

युक्त शब्द के अनेक अर्थ होते हैं—संबद्ध, उद्युक्त, सहित, समन्वित और समाहित। गीता के शांकरभाष्य में इसका अर्थ समाहित किया है।

उत्तराध्ययन के वृत्तिकार ने इसका अर्थ अवधानता—एकाग्रता किया है। आप्टे में भी यही अर्थ प्राप्त है।

२५. वीर पुरुष चले हैं (वीरजायं)

यह शब्द मार्ग का विशेषण है। इसके दो अर्थ किये जा सकते हैं—वह मार्ग जिस पर वीर पुरुष चले हैं अथवा वह मार्ग जिस पर भगवान महावीर ने परिव्रजन किया है। प्रस्तुत संदर्भ में दोनों अर्थ संगत हो सकते हैं।

२६. (.......नियमेहि)

नियम का अर्थ है—व्यवस्था, मर्यादा। दिगम्बर साहित्य में नियम के चार अर्थ प्राप्त हैं—

१. अनन्त चतुष्टयात्मक चेतना का परिणाम।

२. काल-मर्यादा से किया जाने वाला त्याग।

३. सम्यग् दर्शन, ज्ञान, चारित्र।

४. 'यही तथा ऐसे ही करना है'—इस संकल्प से अन्य पदार्थ की निवृत्ति करना।

दशवैकालिक की जिनदासचूर्णि में प्रतिमा आदि अभिग्रह को नियम कहा है।

यम और नियम—ये दोनों एक ही धातु से निष्पन्न शब्द हैं। निरन्तर सेवनीय व्रत को 'यम' और समय-समय पर आचरणीय अनुष्ठान को 'नियम' कहा जाता है—'यमास्तु सततं सेव्या:, नियमास्तु कदाचन।' महर्षि पतंजलि ने शौच, संतोष आदि को नियम कहा है।

२७. मुंडन में रुचि (मुण्डरुई)

जो केवल सिर मुंडाने में ही श्रेय समझता है और शेष आचार—अनुष्ठानों से पराङ्मुख होता है, वह 'मुंडरुचि' कहलाता है।

२८. सिक्के (कहावणे)

भारतवर्ष का अत्यधिक प्रचलित सिक्का 'कार्षापण' था। मनुस्मृति में इसे ही 'धरण' और 'राजत-पुराण' (चांदी का पुराण) भी कहा गया है। चांदी के कार्षापण या पुराण का वजन ३२ रत्ती था। सोने और ताम्बे के 'कर्ष' का वजन ८० रत्ती था। ताम्बे के कार्षापण को 'पण' कहते थे। पाणिनीय सूत्र पर वार्तिक लिखते हुए कात्यायन ने 'कार्षापण' को 'प्रति' कहा है और 'प्रति' से खरीदी जाने वाली वस्तु को 'प्रतिक' कहा गया है। पाणिनि ने इन सिक्को को 'आहत' कहा है। जातकों में 'कहापण' शब्द पाया जाता है। अष्टाध्यायी में 'कार्षापण' और 'पण' ये दोनों पाये जाते हैं। सम्भव है चांदी के सिक्कों का 'कार्षापण' और ताम्बे के कर्ष का नाम 'पण' रहा हो।

२९. मुद्रारहित है (अयंतिए)

वृत्तिकार ने 'अयंतिए' को मुनि का विशेषण मानकर उसका अर्थ नियंत्रण रहित किया है।

हमने इस शब्द को कूटकार्षापण का विशेषण मानकर इसका अर्थ मुद्रा रहित किया है। पूरे पद का अर्थ होगा—मुद्रा रहित खोटा सिक्का।

३०. कुशील-वेश (कुसीललिंगं)

वृत्तिकार ने कुसीललिंग को एक शब्द मानकर उसका अर्थ पार्श्‍वस्थ आदि शिथिलाचारी साधुओं का वेश किया है।

किन्तु कुशील का कोई अपना स्वतन्त्र वेष यहां विवक्षित नहीं है। इसका प्रतिपाद्य यह है कि कुशील होते हुए भी जो मुनि का वेष धारण करता है। इसलिए कुशील को प्रथमा विभक्ति रहित पद मानकर इसका अर्थ किया जाए तो प्रतिपाद्य समीचीन रूप से घटित होता है।

३१. (हणाइ वेयाल इवाविवन्नो)

अविपन्न का अर्थ है—अनियन्त्रित, अबाधित। वेताल मंत्रों से नियंत्रित या कीलित होकर ही हित साध सकता है, अन्यथा नहीं। यदि वह अनियंत्रित होता है तो वह विनाश का हेतु बनता है।

३२. विषयों से युक्त (विसओववन्नो)

शब्द, रूप, रस, गंध और स्पर्श—ये विषय हैं। इन विषयों के साथ जुड़ा हुआ धर्म तारक नहीं, मारक होता है।

भगवान महावीर की यह घोषणा धर्म के क्षेत्र में एक क्रांति का स्वर है।

मार्क्स ने धर्म के विषयोपपन्न स्वरूप अथवा सत्ता और अर्थ से जुड़े हुए धर्म को लक्ष्य में रखकर ही उसे मादक कहा था।

३३. (कोऊहल, कुहेडविज्जा)

'कोऊहल'—सन्तान प्राप्ति के लिए विशेष द्रव्यों से मिश्रित जल से स्‍नान आदि करने को 'कौतुक' कहा जाता है।

'कुहेडविज्जा'—मिथ्या आश्‍चर्य प्रस्तुत करने वाली मन्त्र-तन्त्रात्मक विद्या को 'कुहेटक' विद्या कहा जाता है। दूसरे शब्दों में इसे 'इन्द्रजाल' कहा जा सकता है।

३४. विपर्यास को प्राप्त हो जाता है (विप्परियासुवेइ)

इसका अर्थ है—विपर्यास को प्राप्त हो जाता है—दु:ख निवृत्ति के लिए मुनि बनता है, प्रत्युत दु:खी होता है। आयारो (२।१५१) में 'विप्परियासमुवेति' का यही अर्थ मिलता है।

शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ विपरीत दृष्टि को प्राप्त होता है—ऐसा किया है। किन्तु दुही पद के पश्‍चात् 'विप्परियासुवेइ' पाठ है, इसलिए यह तात्विक विपर्यास से सम्बद्ध प्रतीत नहीं होता।

३५. (उद्देसियं कीयगडं नियागं)

देखें—दसवेआलियं ३।२ का टिप्पण।

३६. दया (दया.......)

वृत्ति में दया का मुख्य अर्थ संयम, सत्य आदि तथा वैकल्पिक अर्थ अहिंसा किया है।

३७. अन्तिम समय की आराधना (उत्तमट्ठं)

उत्तमार्थ का अर्थ है—मोक्ष। चार पुरुषार्थों में 'मोक्ष' उत्तम पुरुषार्थ है, इसलिए इसे उत्तमार्थ कहा गया है। प्रस्तुत आगम में दो अन्य स्थानों में भी इस पद का प्रयोग हुआ है—'उत्तमट्ठगवेसए' (११।३२) और 'उत्तमट्ठगवेसओ' (२५।९)। दोनों स्थानों पर वृत्तिकार ने 'उत्तमट्ठ' का अर्थ मोक्ष किया है।

प्रस्तुत प्रसंग में वृत्तिकार ने 'उत्तमट्ठ' का अर्थ अंतिम समय की आराधना किया है।

♦

इक्कीसवां अध्ययन : समुद्रपालीय

21

इक्कीसवां अध्ययन : समुद्रपालीय

आमुख

इस अध्ययन का प्रतिपादन 'समुद्दपाल'—'समुद्रपाल' के माध्यम से हुआ है, इसलिए इसका नाम 'समुद्दपालीय'—'समुद्रपालीय' रखा गया है।

निर्ग्रन्थ प्रवचन में उसे श्रद्धा थी। दूर-दूर तक उसका व्यापार फैला हुआ था। एक बार वह सामुद्रिक यात्रा के लिए यानपात्र पर आरूढ़ हो घर से निकला। वह अपने साथ गणिम—सुपारी आदि तथा धरिम—स्वर्ण आदि ले चला। जाते-जाते समुद्र के तट पर पिहुण्ड नगर में रुका। अपना माल बेचने के लिए वह वहां कई दिनों तक रहा। नगरवासियों से उसका परिचय बढ़ा और एक सेठ ने उसके साथ अपनी पुत्री का विवाह कर दिया।

कुछ समय वहां रह कर वह स्वदेश को चला। उसकी नवोढ़ा गर्भवती हुई। समुद्र-यात्रा के बीच उसने एक सुन्दर और लक्षणोपेत पुत्र को जन्म दिया। उसका नाम 'समुद्रपाल' रखा गया। वैभव से उसका लालन-पालन हुआ। वह ७२ कलाओं में प्रवीण हुआ। जब वह युवा बना तक ६४ कलाओं में पारंगत 'रूपिणी' नामक कन्या के साथ उसका पाणिग्रहण हुआ। वह उसके साथ देव तुल्य भोगों का उपभोग करता हुआ आनन्द से रहने लगा। एक बार वह प्रासाद के गवाक्ष में बैठा हुआ नगर की शोभा देख रहा था। उसने देखा कि राजपुरुष एक व्यक्ति को वध-भूमि की ओर ले जा रहे हैं। वह व्यक्ति लाल-वस्त्र पहने हुए था। उसके गले में लाल कनेर की मालाएं थीं। उसे यह समझते देर न लगी कि इसका वध किया जाएगा। यह सब देख कुमार का मन संवेग से भर गया। 'अच्छे कर्मों का फल अच्छा होता है और बुरे कर्मों का फल बुरा'—इस चिन्तन से उसका मार्ग स्पष्ट हो गया। माता-पिता की आज्ञा ले वह दीक्षित हुआ। उसने साधना की और कर्मों को नष्ट कर सिद्ध, बुद्ध और मुक्त हुआ।

आत्मानुशासन के उपायों के साथ-साथ इस अध्ययन में समुद्र-यात्रा का उल्लेख महत्पूर्ण है। उस काल में भारत के व्यापारी दूर-दूर तक व्यापार के लिए जाते थे। सामुद्रिक व्यापार उन्नत अवस्था में था। व्यापारियों के निजी यान-पात्र होते थे और वे एक स्थान से दूसरे स्थान पर माल लेकर आते-जाते थे। उस समय अनेक वस्तुओं का भारत से निर्यात होता था। उनमें सुपारी, स्वर्ण आदि मुख्य थे। यह विशेष उल्लेखनीय है कि उस काल में भारत के पास प्रचुर सोना था। वह उसका दूसरे देशों को निर्यात करता था।

इस अध्ययन में 'ववहार' (श्‍लोक ३)—'व्यवहार' और 'वज्झमंडणसोभागं' (श्‍लोक ८)—'वध्य-मंडन-शोभाक'—ये दो शब्द ध्यान देने योग्य हैं। आगम-काल में 'व्यवहार' शब्द क्रय-विक्रय का द्योतक था। आयात और निर्यात इसी के अन्तर्गत थे।

'वध्य-मंडन-शोभाक'—यह शब्द उस समय के दण्ड-विधान की ओर संकेत करता है। उस समय चोरी करने वाले को कठोर दण्ड दिया जाता था। जिसे वध की सजा दी जाती, उसे कनेर के लाल फूलों की माला पहनाई जाती। उसको लाल कपड़े पहनाए जाते। शरीर पर लाल चन्दन का लेप किया जाता। सारे नगर में उसके कुकृत्यों की जानकारी दी जाती और उसे नगर के राज-मार्ग से वध-भूमि की ओर ले जाया जाता था।

इस अध्ययन में तात्कालिक राज्य-व्यवस्था का उल्लेख भी हुआ है। ग्रन्थकार कहते हैं—''मुनि उचित काल में एक स्थान से दूसरे स्थान में जाए।'' यह कथन साभिप्राय हुआ है। उस समय भारत अनेक इकाइयों में बंटा हुआ था। छोटे-छोटे राष्ट्र होते थे। आपसी कलह सीमा पार कर चुका था। इसीलिए मुनि को गमनागमन में पूर्ण सावधान रहने के लिए कहा है (श्‍लोक १४)। मौलिक दृष्टि से इस अध्ययन में 'चम्पा' (श्‍लोक १) और 'पिहुण्ड' (श्‍लोक ३) नगरों का उल्लेख हुआ है। चौबीस श्‍लोकों का यह छोटा-सा अध्ययन बहुत ही महत्वपूर्ण है।

एगविंसइमं अज्झयणं : समुद्दपालीयं

इक्कीसवां अध्ययन : समुद्रपालीय

मूल

१. चंपाए पालिए नाम सावए आसि वाणिए।

महावीरस्स भगवओ सीसे सो उ महप्पणो।।

हिन्‍दी अनुवाद

चम्पा नगरी में१ पालित नामक एक वाणिक्-श्रावक२ हुआ। वह महात्मा भगवान् महावीर का शिष्य था।

२. निग्गंथे पावयणे सावए से विकोविए।

पोएण ववहरंते पिहुंडं नगरमागए।।

वह श्रावक निर्ग्रन्थ-प्रवचन में कोविद३ था। वह पोत से व्यापार करता हुआ४ पिहुण्ड नगर मे५ आया।

३. पिहुंडे ववहरंतस्स वाणिओ देइ धूयरं।

तं ससत्तं पइगिज्झ सदेसमह पत्थिओ।।

पिहुण्ड नगर में व्यापार करते समय उसे किसी वणिक् ने पुत्री दी। कुछ समय ठहरने के पश्‍चात् वह गर्भवती को लेकर स्वदेश को विदा हुआ।

४. अह पालियस्स घरणी समुद्दंमि पसवई।

अह दारए तहिं जाए समुद्दपालि त्ति नामए।।

पालित की स्त्री ने समुद्र में पुत्र का प्रसव किया। वह समुद्र में उत्पन्न हुआ, इसलिए उसका नाम समुद्रपाल रखा।

५. खेमेण आगए चंपं सावए वाणिए घरं।

संवड्ढई घरे तस्स दारए से सुहोइए।।

वह वणिक्-श्रावक सकुशल चम्पा नगरी में अपने घर आया। वह सुखोचित६ पुत्र अपने घर में बढ़ने लगा।

६. बावत्तरिं कलाओ य सिक्खए नीइकोविए।

जोव्वणेण य संपन्ने सुरूवे पियदंसणे।।

उसने बहत्तर कलाएं७ सीखीं और वह नीति-कोविद बना। वह पूर्ण यौवन में सुरूप और प्रिय लगने लगा।

७. तस्स रूववइं भज्जं पिया आणेइ रूविणिं।

पासाए कीलए रम्मे देवो दोगुंदओ जहा।।

उसका पिता उसके लिए रूपिणी नामक सुन्दर स्त्री लाया। वह दोगुन्दक देव की भांति उसके साथ सुरम्य प्रासाद में क्रीड़ा करने लगा।

८. अह अन्नया कयाई पासायालोयणे ठिओ।

वज्झमंडणसोभागं वज्झं पासइ वज्झगं।।

वह कभी एक बार प्रासाद के झरोखे में बैठा हुआ था। उसने वध्य-जनोचित मण्डनों से शोभित८ वध्य को नगर से बाहर ले जाते हुए देखा।९

९. तं पासिऊण संविग्गो समुद्दपालो इणमब्बवी।

अहोसुभाण कम्माणं निज्जाणं पावगं इमं।।

उसे देख वैराग्य में भीगा हुआ१० समुद्रपाल यों बोला—''अहो! यह अशुभ कर्मों का दु:खद निर्याण—अवसान है।''

१०. संबुद्धो सो तहिं भगवं परं संवेगमागओ।

आपुच्छऽम्मापियरो पव्वए अणगारियं।।

वह भगवान्११ परम वैराग्य को प्राप्त हुआ और संबुद्ध बन गया। उसने माता-पिता को पूछकर साधुत्व स्वीकार किया।

११. जहित्तु संगं च महाकिलेसं महंतमोहं कसिणं भयावहं।

परियायधम्मं चभिरोयएज्जा वयाणि सीलाणि परीसहे य।।

मुनि महान् क्लेश और महान् मोह को उत्पन्न करने वाले कृष्ण१२ व भयावह संग (आसक्ति) को छोड़कर पर्याय-धर्म (प्रव्रज्या)१३, व्रत और शील तथा परीषहों में अभिरुचि ले।

१२. अहिंस सच्चं च अतेणगं च तत्तो य बंभं अपरिग्गहं च।

पडिवज्जिया पंच महव्वयाणि चरिज्ज धम्मं जिणदेसियं विऊ।।

अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह—इन पांच महाव्रतों को स्वीकार कर विद्वान् मुनि वीतराग-उपदिष्ट धर्म का आचरण करे।

१३. सव्वेहिं भूएहिं दयाणुकंपी खंतिक्खमे संजयबंभयारी।

सावज्जजोगं परिवज्जयंतो चरिज्ज भिक्खू सुसमाहिइंदिए।।

सुसमाहित-इन्द्रिय वाला भिक्षु सब जीवों के प्रति दयानुकम्पी१४ रहे। क्षान्तिक्षम१५, संयत और ब्रह्मचारी हो। वह सावद्य योग का वर्जन करता हुआ विचरण करे।

१४. कालेण कालं विहरेज्ज रट्ठे बलाबलं जाणिय अप्पणो य।

सीहो व सद्देण न संतसेज्जा वयजोग सुच्चा न असब्भमाहु।।

मुनि अपने बलाबल को तौलकर कालोचित कार्य करता हुआ१६ राष्ट्र में विहरण करे। वह सिंह की भांति भयावह शब्दों से संत्रस्त न हो। वह कुवचन सुन असभ्य वचन न बोले।

१५. उवेहमाणो उ परिव्वएज्जा पियमप्पियं सव्व तितिक्खएज्जा।

न सव्व सव्वत्थभिरोयएज्जा न यावि पूयं गरहं च संजए।।

संयमी मुनि कुवचनों की उपेक्षा करता हुआ१७ परिव्रजन करे। प्रिय और अप्रिय सब कुछ सहे। सर्वत्र सब (जो कुछ देखे उसी)१८ की अभिलाषा न करे तथा पूजा और गर्हा की भी अभिलाषा न करे।१९

१६. अणेगछंदा इह माणवेहिं जे भावओ संपगरेइ भिक्खू।

भयभेरवा तत्थ उइंति भीमा दिव्वा मणुस्सा अदुवा तिरिच्छा।।

संसार में मनुष्यों में जो अनेक अभिप्राय होते हैं वस्तु-वृत्त्या वे भिक्षु में भी होते हैं। किन्तु भिक्षु उन पर अनुशासन करे और साधुपन में देव, मनुष्य अथवा तिर्यञ्च सम्बन्धी भय पैदा करने वाले भीषण-भीषणतम उपसर्ग उत्पन्न हों, उन्हें सहन करे।

१७. परीसहा दुव्विसहा अणेगे सीयंति जत्था बहुकायरा नरा।

से तत्थ पत्ते न वहिज्ज भिक्खू संगामसीसे इव नागराया।।

जहां अनेक दुस्सह परीषह प्राप्त होते हैं, वहां बहुत सारे कायर लोग खिन्न हो जाते हैं। किन्तु भिक्षु उन्हें प्राप्त होकर व्यथित न बने—जैसे संग्रामशीर्ष (मोर्चे) पर नागराज व्यथित नहीं होता।

१८. सीओसिणा दंसमसा य फासा आयंका विविहा फुसंति देहं।

अकुक्कुओ तत्थहियासएज्जा रयाइं खेवेज्ज पुरेकडाइं।।

शीत, ऊष्ण, डांस, मच्छर, तृण-स्पर्श और विविध प्रकार के आतङ्क जब देह का स्पर्श करें तब मुनि शान्त भाव से२० उन्हें सहन करे, पूर्वकृत रजों (कर्मों) को क्षीण करे।

१९. पहाय रागं च तहेव दोसं मोहं च भिक्खू सययं वियक्खणो।

मेरु व्व वाएण अकंपमाणो परीसहे आयगुत्ते सहेज्जा।।

विचक्षण भिक्षु राग, द्वेष और मोह का सतत त्याग कर, वायु में मेरु की भांति अकम्पमान होकर तथा आत्मगुप्त बनकर२१ परीषहों को सहन करे।

२०. अणुन्नए नावणए महेसी न यावि पूयं गरहं च संजए।

स उज्जुभावं पडिवज्ज संजए निव्वाणमग्गं विरए उवेइ।।

पूजा में उन्नत और गर्हा में अवनत न होने वाला२२ महैषी मुनि उन (पूजा और गर्हा) में लिप्त न हो।२३ अलिप्त रहने वाला वह विरत संयमी आर्जव को स्वीकार कर निर्वाण-मार्ग को प्राप्त होता है।

२१. अरइरइसहे पहीणसंथवे विरए आयहिए पहाणवं।

परमट्ठपएहिं चिट्ठई छिन्नसोए अममे अकिंचणे।।

जो अरति और रति को सहने वाला, परिचय को२४ क्षीण करने वाला, अकर्त्तव्य से विरत रहने वाला, आत्म-हित करने वाला तथा प्रधानवान् (संयमवान्)२५ होता है, वह छिन्न-शोक (अशोक)२६ ममत्वमुक्त और अकिंचन होकर परमार्थ-पदों में२७ स्थित होता है।

२२. विवित्तलयणाइ भएज्ज ताई निरोवलेवाइ असंथडाइं।

इसीहि चिण्णाइ महायसेहिं काएण फासेज्ज परीसहाइं।।

त्रायी मुनि महायशस्वी ऋषियों द्वारा आचीर्ण, अलिप्त२८ और असंस्तृत (बीज आदि से रहित) विविक्त लयनों (एकान्त स्थानों) का२९ सेवन करे तथा काया से परीषहों को सहन करे।

२३. सण्णाणनाणोवगए महेसी अणुत्तरं चरिउं धम्मसंचयं।

अणुत्तरे नाणधरे जसंसी ओभासई सूरिए वंतलिक्खे।।

सद्ज्ञान से ज्ञान-प्राप्त करने वाला महैषी मुनि अनुत्तर धर्म-संचय का आचरण कर अनुत्तर ज्ञानधारी और यशस्वी होकर अन्तरिक्ष में सूर्य की भांति दीप्तिमान् होता है।

२४. दुविहं खवेऊण य पुण्णपावं निरंगणे सव्वओ विप्पमुक्के।

तरित्ता समुद्दं व महाभवोघं समुद्दपाले अपुणागमं गए।।

समुद्रपाल संयम में निश्‍चल३० और सर्वत: मुक्त होकर, पुण्य और पाप दोनों को क्षीण कर तथा विशाल संसार प्रवाह को समुद्र की भांति तरकर अपुनरागम-गति (मोक्ष) में गया है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २१ : समुद्रपालीय

१. चंपा नगरी में (चंपाए)

यह अंग जनपद की राजधानी थी। वर्तमान में इसकी पहचान भागलपुर से २४ मील पूर्व में स्थित आधुनिक 'चंपापुर' और 'चम्पानगर' नामक दो गांवों से की जाती है।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट ५, भौगोलिक परिचय।

२. श्रावक (सावए)

भगवान् महावीर का संघ चार भागों में विभक्त था—श्रमण, श्रमणी, श्रावक और श्राविका। भगवान् ने दो प्रकार का धर्म बताया—अगार-चारित्र-धर्म और अनगार-चारित्र-धर्म। जो अगार-चारित्र-धर्म का पालन करता है, वह श्रावक या श्रमणोपासक कहलाता है।

३. कोविद (विकोविए)

बहुत से श्रावक भी निर्ग्रन्थ प्रवचन के विद्वान् होते थे। औपपातिक सूत्र में श्रावकों को लब्धार्थ, पृष्टार्थ, गृहीतार्थ आदि कहा गया है। राजीमती के लिए भी 'बहुश्रुत' विशेषण प्रयुक्त है।

४. पोत से व्यापार करता हुआ (पोएण ववहरंते)

भारत में नौका व्यापार करने की परम्परा बहुत प्राचीन है। ऋग्वेद (१।२५।७; १।४८।३; १।५६।२; १।११६।३; २।४८।३; ७।८८।३-४) में समुद्र में चलने वाली नावों का उल्लेख आता है तथा भुज्युनाविक के बहुत दूर चले जाने पर मार्ग भूल जाने व पूषा की स्तुति करने पर सुरक्षित लौट आने का वर्णन है।

पण्डार जातक (२।१२८, ५।७५) में ऐसे जहाजों का उल्लेख है, जिनमें लगभग पांच सौ व्यापारी यात्रा कर रहे थे; जो कि डूब गए। विनय-पिटक में पूर्ण नामी एक भारतीय व्यापारी के छ: बार समुद्र-यात्रा करने का वर्णन है। संयुक्त-निकाय (२।११५, ५।५१) व अंगुत्तर-निकाय (४।२७) में छ: छ: महीने तक नाव द्वारा की जाने वाली समुद्र-यात्रा का वर्णन है। दीघ-निकाय (१।२२२) में वर्णन आता है कि दूर-दूर देशों तक समुद्र-यात्रा करने वाले व्यापारी अपने साथ पक्षी रखते थे। जब जहाज स्थल से बहुत दूर दूर पहुंच जाता और भूमि के कोई चिन्ह दिखाई नहीं देते, तब उन पक्षियों को छोड़ दिया जाता था। यदि भूमि निकट ही रहती तो वे पक्षी वापस नहीं आते अन्यथा थोड़ी देर तक इधर-उधर उड़कर वापस आ जाते थे।

आवश्यक निर्युक्ति के अनुसार जल-पोतों का निर्माण भगवान् ऋषभ के काल में हुआ था। जैन-साहित्य में 'जलपत्तन' के अनेक उल्लेख मिलते हैं। वहां नौकाओं के द्वारा माल आता था।

सूत्रकृतांग, उत्तराध्ययन आदि में दुस्तर-कार्य की समुद्र-यात्रा से तुलना की गई है। नालन्दा के लेप नामक गाहावई के पास अनेक यान-पात्र थे। सिंहलद्वीप, जावा, सुमात्रा आदि में अनेक व्यापारी जाते थे। ज्ञाता-धर्मकथा (१।९) में जिनपालित और जिनरक्षित के बारह बार लवण-समुद्र की यात्रा करने का उल्लेख है। लवणसमुद्र-यात्रा का प्रलम्ब वर्णन ज्ञाता-धर्मकथा (१।१७) में भी है।

५. पिहुंड नगर में (पिहुंडं)

यह समुद्र के किनारे पर स्थित एक नगर था। विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट ५, भौगोलिक परिचय।

६. सुखोचित (सुहोइए)

वृत्तिकार ने इसका अर्थ सुकुमार किया है। प्रस्तुत आगम में १९।३४ में सुखोचित और सुकुमार—दोनों शब्द का एक साथ प्रयोग है। इसलिए सुखोचित का अर्थ—सुख भोगने के योग्य होना चाहिए।

७. बहत्तर कलाएं (बावत्तरिं कलाओ)

बहत्तर कलाओं की जानकारी के लिए देखें—समवाओ, समवाय ७२।

८. वध्यजनोचित मंडनों से शोभित (वज्झमंडणसोभागं)

इन शब्दों में एक प्राचीन परम्परा का संकेत मिलता है। प्राचीन काल में चोरी करने वाले को कठोर दण्ड दिया जाता था। जिसे वध की सजा दी जाती थी, उसके गले में कणेर के लाल फूलों की माला पहनाई जाती, उसे लाल कपड़े पहनाए जाते, उसके शरीर पर लाल चन्दन का लेप किया जाता और उसे सारे नगर में घुमाते हुए उसके वध्य होने की जानकारी देते हुए उसे श्मशान की ओर ले जाया जाता था।

९. बाहर से जाते हुए देखा (पासइ वज्झगं)

बृहद्वृत्ति के अनुसार इसके संस्कृत रूप दो होते हैं—बाह्यगं, वध्यगं। बाह्यग का अर्थ है—नगर से बाहर ले जाया जाता हुआ तथा वध्यग का अर्थ है—वध्यभूमि में ले जाया जाता हुआ।

१०. वैराग्य में भीगा हुआ (संविग्गो)

'संविग्गो' यह समुद्रपाल का विशेषण है। बृहद्वृत्ति में 'संवेग' पाठ है और वह चोर के लिए प्रयुक्त है। 'संवेग' का अर्थ है—संसार के प्रति उदासीनता और मोक्ष की अभिलाषा अर्थात् वैराग्य। यहां वैराग्य के हेतुभूत वध्य पुरुष को संवेग माना है।

११. भगवन् (भगवं)

'भग' शब्द के अनेक अर्थ हैं। वृत्तिकार ने यहां इसका अर्थ महात्म्य किया है। इसका तात्पर्यार्थ है—ऐश्‍वर्य सम्पन्न।

१२. कृष्ण (कसिणं)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—कृत्स्‍न और कृष्ण। संग कृष्णलेश्या के परिणाम का हेतु बनता है, इसलिए उसे कृष्ण कहा गया है। यह चूर्णिकार का अभिमत है। वृत्ति में कृत्स्‍न और कृष्ण—दोनों रूप उपलब्ध है। अर्थ की दृष्टि से कृष्ण रूप अधिक प्रासंगिक है।

१३. पर्यायधर्म (प्रव्रज्या) (परियायधम्मं)

पर्याय शब्द के अनेक अर्थ होते हैं। पर्याय का एक अर्थ है—दीक्षा। पर्याय धर्म का अर्थ है—मुनि धर्म।

चूर्णिकार ने पर्याय का अर्थ संयम-पर्याय और धर्म का अर्थ श्रुतधर्म किया है। वृत्ति में पर्याय का अर्थ है—प्रव्रज्या-पर्याय और धर्म का अर्थ है—पर्यायधर्म—प्रव्रज्याधर्म।

१४. दयानुकम्पी (दयाणुकंपी)

बृहद्वृत्ति के अनुसार दया के दो अर्थ हैं—हितोपदेश देना, रक्षा करना।

जो हितोपदेश और सब प्राणियों की रक्षा—अहिंसा रूप दया—से कम्पन-शील होता है, वह 'दयानुकम्पी' कहलाता है।

१५. क्षांतिक्षम (खंतिक्खमे)

जो क्षान्ति से कुवचनों को सहन करता है, वह 'क्षान्ति-क्षम' कहलाता है, किन्तु अशक्ति से सहन करने वाला नहीं।

१६. कालोचित कार्य करता हुआ (कालेण कालं)

यहां 'काल' शब्द समयोचित कार्य करने के अर्थ में प्रयुक्त है। जिस समय में जो कार्य करणीय होता है, उसी काल में उसे सम्पन्न करना, जैसे—स्वाध्याय काल में स्वाध्याय, प्रतिलेखन के समय प्रतिलेखन, वैयावृत्य के समय वैयावृत्य करना आदि। उत्सर्ग और अपवाद—इन दोनों प्रकार के नियमों का अपनी- अपनी मर्यादा में प्रयोग—उत्सर्ग काल में उत्सर्ग के नियमों का और अपवाद काल में अपवाद के नियमों का पालन करना 'कालेण कालं' का तात्पर्यार्थ है।

१७. उपेक्षा करता हुआ (उवेहमाणो)

उपेक्षा का एक अर्थ है—उप+ईक्षा—निकटता से देखना। इसका दूसरा अर्थ है—उपेक्षा करना, उदासीन रहना। प्रस्तुत श्‍लोक में यह दूसरा अर्थ ही प्रासंगिक है।

१८. (न सव्व सव्वत्थभिरोयएज्जा)

शान्त्याचार्य के अभिमत से इसके दो अर्थ हैं—

१. जो कुछ देखे उसी को न चाहे।

२. एक बार विशेष कारण से जिसका सेवन करे, उसका सर्वत्र सेवन न करे।

१९. (न यावि पूयं गरहं च संजए)

मुनि पूजा और गर्हा की अभिलाषा न करे। वृत्तिकार ने गर्हा के विषय में एक विमर्श प्रस्तुत किया है। कुछ विचारकों का मत था कि गर्हा (आत्मगर्हा या हीन भावना) से कर्म का क्षय होता है। इस मत से असहमति प्रगट करने के लिए गर्हा का ग्रहण किया गया है—ऐसा वृत्तिकार का अभिमत है। गर्हा का वैकल्पिक अर्थ परापवाद किया गया है। उसकी अभिलाषा न करना स्वाभाविक है।

२०. शांतभाव से (अकुक्कुओ)

उत्तराध्ययन १।३० में 'अप्पकुक्कुए' शब्द प्रयुक्त है। इसकी वृत्ति में शान्त्याचार्य ने 'कुक्कुए' का अर्थ कौत्कुच अर्थात् चंचल किया है। प्रस्तुत आगम के ३६।२६३ में 'कोक्कुइय' का अर्थ 'कोक्रुच्य' किया है। प्रस्तुत श्‍लोक में वृत्तिकार ने अकुक्कुओ का अर्थ उक्त दोनों अर्थों से भिन्न किया है। अकुक्कुओ (सं० अकुक्कुज:) अर्थात् आक्रन्दन करने वाला। यहां भी 'कुक्कुय' शब्द 'कौत्कुच' के अर्थ में हो सकता है, फिर भी वृत्तिकार ने इसका अर्थ वह क्यों नहीं किया, यह विमर्शनीय है।

२१. आत्मगुप्त बनकर (आयगुत्ते)

यहां आत्मा शब्द शरीर के अर्थ में प्रयुक्त है। जो व्यक्ति कूर्म की भांति अपने संपूर्ण अंग को संकुचित कर लेता है, गुप्त कर लेता है, वह आत्मगुप्त कहलाता है।

२२. पूजा में उन्नत और गर्हा में अवनत न होने वाला (अणुन्नए नावणए)

चूर्णि में इसका अर्थ है—मुनि चलते समय ऊंचा मुंह कर या बहुत नीचा मुंह कर न चले, किन्तु युगान्तरभूमि को देखते हुए चले।

वृत्तिकार के अनुसार इसका अर्थ है—पूजा के प्रति उन्नत और गर्हा के प्रति अवनत।

२३. लिप्त न हो (न...संजए)

इस पाठ के विषय में दो कल्पनाएं की जा सकती हैं—

(१) अनुस्वार को अलाक्षणिक माना जाए।

(२) मूल पाठ 'सज्जए' हो।

वृत्तिकार ने इसका संस्कृत रूप 'सजेत्' दिया है। इसका अर्थ है—लिप्त होना।

२४. परिचय को... (...संथवे)

संस्तव का अर्थ है—परिचय। चूर्णि में दो प्रकार का संस्तव माना है—वचन संस्तव और संवाससंस्तव। वृत्ति में पूर्वसंस्तव, ख्यात्संस्तव, वचनसंस्तव तथा संवाससंस्तव—ये चार प्रकार के संस्तवों की चर्चा है। माता-पिता, भाई-बहिन आदि का परिचय पूर्वसंस्तव है। सास-श्‍वसुर, साला-साली का परिचय पश्‍चात्संस्तव है। जिनके साथ बातचीत का अधिक संबंध रहता है वह वचनसंस्तव है। जिनके साथ अधिक रहने का संबंध बनता है वह संवाससंस्तव है।

२५. प्रधानवान् (संयमवान्) (पहाणवं)

वृत्ति में प्रधान का अर्थ संयम है। संयम मुक्ति का हेतु है, इसलिए उसे प्रधान कहा गया है। बुद्धि और समझ भी इसके अर्थ मिलते हैं। 'प्रधान' शब्द को संज्ञावाची मानने पर ही प्रधानवान् हो सकता है। यहां 'उपहाणवं' पाठ का अनुमान भी किया जा सकता है। उपधान का अर्थ है तपस्या। उपधानवान् अर्थात् तपस्वी।

२६. छिन्न शोक (अशोक) (छिन्नसोए)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—छिन्नस्रोतस् और छिन्नशोक:। चूर्णिकार ने प्रथम रूप को मानकर इसका अर्थ इस प्रकार किया है—जिस व्यक्ति के मिथ्यादर्शन आदि सारे स्रोत सूख जाते हैं, दूर हो जाते हैं, वह छिन्नस्रोत वाला होता है। वृत्तिकार ने इसको वैकल्पिक अर्थ मानकर इसका अर्थ छिन्नशोक—जिसके सारे शोक दूर हो गए हैं—किया है।

२७. परमार्थ पदों में (परमट्ठपएहिं)

परमार्थ का अर्थ है—मोक्ष। जिन साधनों के द्वारा मोक्ष की प्राप्ति होती है, वे परमार्थपद कहलाते हैं। वे तीन हैं—सम्यक् ज्ञान, सम्यक् दर्शन और सम्यक् चारित्र।

२८. अलिप्त (निरोवलेवाइ)

जो स्थान अकृत, अकारित और असंकल्पित हैं तथा जो संयम का उपघात करने वाले तत्त्वों से रहित हैं, वे निरुपलेप होते हैं। यह चूर्णि का अभिमत है। वृत्तिकार ने आसक्ति के उपलेप से रहित स्थानों को निरुपलेप माना है।

२९. विविक्त लयनों-एकान्त स्थानों का (विवित्तलयणाइ)

वृत्तिकार ने इसका अर्थ—स्त्री आदि रहित उपाश्रय किया है। लयन का मुख्य अर्थ 'पहाड़ों में कुरेदा हुआ गृह' (गुफा) होता है। 'लेणी' शब्द इसी 'लयण' या 'लेण' का अपभ्रंश है।

३०. निश्‍चल (निरंगणे)

'निरंगण' शब्द के दो संस्कृत रूप किए जा सकते हैं—निरंगण और निरञ्जन। निरंगण का अर्थ है—लेप रहित। निरंजन का एक अर्थ है—गति रहित, निश्‍चल और दूसरा अर्थ है—देह अथवा अभिव्यक्ति रहित। प्राकृत में 'जकार' को 'गकारादेश' होता है। इसलिए 'निरंजन' का 'निरंगण' रूप बन सकता है

♦

बावीसवां अध्ययन : रथनेमीय

22

बावीसवां अध्ययन : रथनेमीय

आमुख

इस अध्ययन में अन्धक-कुल के नेता समुद्रविजय के पुत्र रथनेमि का वृत्तान्त है, इसलिए इसका नाम 'रहनेमिज्जं'—'रथनेमीय' है।

सोरियपुर नाम का नगर था। वहां वृष्णि-कुल के वसुदेव राज्य करते थे। उनके दो रानियां थीं—रोहिणी और देवकी। रोहिणी के एक पुत्र था। उसका नाम 'बलराम' था और देवकी के पुत्र का नाम 'केशव' था।

उसी नगर में अन्धक-कुल के नेता समुद्रविजय राज्य करते थे। उनकी पटरानी का नाम शिवा था। उसके चार पुत्र थे—अरिष्टनेमि, रथनेमि, सत्यनेमि और दृढ़नेमि। अरिष्टनेमि बाईसवें तीर्थंकर हुए और रथनेमि तथा सत्यनेमि प्रत्येक-बृद्ध हुए।

उस समय सोरियपुर में द्वैध-राज्य था। अन्धक और वृष्णि—ये दो राजनैतिक दल वहां का शासन चलाते थे। वसुदेव वृष्णियों के नेता थे और समुद्रविजय अन्धकों के। इस प्रकार की राज्य-प्रणाली को 'विरुद्ध-राज्य' कहा जाता था।

कार्तिक कृष्णा द्वादशी को अरिष्टनेमि का जीव शिवा रानी के गर्भ में आया। माता ने १४ स्वप्‍न देखे। श्रावण शुक्ला ५ को रानी ने पुत्र-रत्‍न को जन्म दिया। स्वप्‍न में रिष्टरत्‍नमय नेमि देखे जाने के कारण पुत्र का नाम अरिष्टनेमि रखा। वे आठ वर्ष के हुए। कृष्ण ने कंस का वध कर डाला। महाराज जरासंध यादवों पर कुपित हो गया। मरने के भय से सभी यादव पश्‍चिमी समुद्र तट पर चले गए। वहां द्वारवती नगरी में सुख से रहने लगे। कुछ समय के बाद बलराम और कृष्ण ने जरासंध को मार डाला और वे राजा बन गए। अरिष्टनेमि युवा बने। वे इन्द्रिय-विषयों से पराङ्गमुख रहने लगे। एक बार समुद्रविजय ने केशव से कहा—''ऐसा कोई उपक्रम किया जाए जिससे कि अरिष्टनेमि विषयों में प्रवृत्त हो सके।'' केशव ने रुक्मणी, सत्यभामा आदि को इस ओर प्रयत्‍न करने के लिए कहा। अनेक प्रयत्‍न किए गए। अनेक प्रलोभनों से उन्हें विचलित करने का प्रयास किया गया। पर वे अपने लक्ष्य पर स्थिर रहे। एक बार केशव ने कहा—''कुमार! ऋषभ आदि अनेक तीर्थङ्कर भी गृहस्थाश्रम के भोगों को भोग कर, पश्‍चिम-वय में दीक्षित हुए थे। उन्होंने भी मोक्ष प्राप्त कर लिया। यह परमार्थ है।'' अरिष्टनेमि ने नियति की प्रबलता जान केशव की बात स्वीकार कर ली। केशव ने समुद्रविजय को सारी बात कही। वे अत्यन्त प्रसन्न हुए और योग्य कन्या की गवेषणा करने लगे। भोज-कुल के राजन्य उग्रसेन की पुत्री राजीमती को अरिष्टनेमि के योग्य समझ विवाह की बातचीत की। उग्रसेन ने इसे अनुग्रह मान स्वीकार कर लिया। दोनों कुलों में वर्द्धापन हुआ। विवाह से पूर्व समस्त कार्य सम्पन्न हुए। विवाह का दिन आया। राजीमती अलंकृत हुई। कुमार भी अलंकृत हो मत्त हाथी पर आरूढ़ हुए। सभी दसार एकत्रित हुए। बाजे बजने लगे। मंगल दीप जलाए गए। वर-यात्रा प्रारम्भ हुई। हजारों लोगों ने उसे देखा। वह विवाह-मण्डप के पास आई। राजीमती ने दूर से अपने भावी पति को देखा। वह अत्यन्त प्रसन्न हुई।

उसी समय अरिष्टनेमि के कानों में करुण शब्द पड़े। उन्होंने सारथी से पूछा—''यह शब्द क्या है?'' सारथी ने कहा—''देव! यह करुण शब्द पशुओं का है। वे आपके विवाह में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों के लिए भोज्य बनेंगे। मरण-भय से वे आक्रन्दन कर रहे हैं।'' अरिष्टनेमि ने कहा—''यह कैसा आनन्द! जहां हजारों मूक और दीन पशुओं का वध किया जाता है। ऐसे विवाह से क्या जो संसार के परिभ्रमण का हेतु बनता है!'' हाथी को अपने निवास की ओर मोड़ दिया। अरिष्टनेमि को मुड़ते देख राजीमती मूर्च्छित हो भूमि पर गिर पड़ी। स्वजनों ने ठण्डा जल छिड़का, पंखा झला। मूर्च्छा दूर हुई। चैतन्य प्राप्त कर वह विलाप करने लगी। अरिष्टनेमि ने अपने माता-पिता के पास जा प्रव्रज्या के लिए आज्ञा मांगी। वे तीन सौ वर्ष तक अगारवास में रह श्रावण शुक्ला ५ को सहस्त्रवन उद्यान में बेले की तपस्या में दीक्षित हो गए।

अब रथनेमि राजीमती के पास आने-जाने लगे। उन्होंने कहा—''देवी! विषाद मत करो। अरिष्टनेमि वीतराग हैं। वे विषयानुबन्ध नहीं करते। तुम मुझे स्वीकार करो। मैं जीवन भर तुम्हारी आज्ञा मानूंगा।'' भगवती राजीमती का मन काम-भोगों से निर्विण्ण हो चुका था। उसे रथनेमि की प्रार्थना अयुक्त लगी। एक बार उसने मधुघृत संयुक्त पेय पीया और जब रथनेमि आए तब मदन फल खा उल्टी की और रथनेमि से कहा—''इस पेय को पीएं।'' उसने कहा—''वमन किए गए को कैसे पीऊं?'' राजीमती ने कहा—''क्या तुम यह जानते हो?'' रथनेमि ने कहा—''इस बात को बालक भी जानता है।'' राजीमती ने कहा—''यदि यह बात है तो मैं भी अरिष्टनेमि द्वारा वान्त हूं। मुझे ग्रहण करना क्यों चाहते हो? धिक्कार है तुम्हें जो वमी हुई वस्तु को पीने की इच्छा करते हो! इससे तो तुम्हारा मरना श्रेयस्कर है।'' इसके बाद राजीमती ने धर्म कहा। रथनेमि जागृत हुए और आसक्ति से उपरत हुए। राजीमती दीक्षित हो अनेक प्रकार के तप और उपधानों को करने लगी।

भगवान अरिष्टनेमि केवली हुए। देवों ने केवली-महोत्सव किया। रथनेमि प्रव्रजित हुए। राजीमती भी अनेक राजकन्याओं के साथ प्रव्रजित हुई। एक बार भगवान् अरिष्टनेमि रैवतक पर्वत पर समवसृत थे। साध्वी राजीमती अनेक साध्वियों के साथ वन्दना करने गई। अचानक ही वर्षा प्रारम्भ हो गई। साथ वाली सभी साध्वियां इधर-उधर गुफाओं में चली गईं। राजीमती भी एक गुफा में गई उसी गुफा में मुनि रथनेमि पहले से ही बैठे हुए थे। राजीमती को यह ज्ञात नहीं था। गुफा में अन्धकार व्याप्त था। उसने अपने कपड़े सूखने के लिए फैलाए। नग्‍नावस्था में उसे देख रथनेमि का मन विचलित हो गया। अचानक ही राजीमती ने रथनेमि को देख लिया और शीघ्र ही अपनी बाहों से अपने आपको ढकती हुई वह वहीं बैठ गई। रथनेमि ने कहा—''मैं तेरे में अत्यन्त अनुरक्त हूं। तेरे बिना मैं शरीर धारण नहीं कर सकता। तू मुझे स्वीकार कर। अवस्था आने पर हम दोनों संयम-मार्ग को स्वीकार कर लेंगे।'' राजीमती ने विषयों के दारुण-विपाक, जीवन की अस्थिरता और व्रत-भंग के फल का निरूपण किया। उसे धर्म कहा। वह संबुद्ध हुआ। राजीमती का अभिनन्दन कर वह अपने माण्डलिक साधुओं में चला गया। राजीमती भी आर्यिका के पास चली गई।

निर्युक्तिकार के अनुसार प्रत्येक बुद्ध रथनेमि चार सौ वर्षों तक गृहस्थवास में रहे, एक वर्ष तक छद्मस्थ अवस्था में और पांच सौ वर्ष तक केवली पर्याय में रहे।

संयम को विशुद्ध पालते हुए दोनों—रथनेमि और राजीमती सिद्ध, बुद्ध और मुक्त हो गए। राजीमती का जीवन-काल भी रथनेमि जितना ही रहा।

इस अध्ययन के ४२, ४३, ४४, ४६ और ४९—ये पांच श्‍लोक दशवैकालिक के दूसरे अध्ययन में ज्यों-के-त्यों आए हैं।

इस अध्ययन में आए हुए भोज, अन्धक और वृष्णि—ये तीन शब्द प्राचीन कुलों के द्योतक हैं।

पूरे कथानक के लिए देखें—सुखबोधा, पत्र २७७-२८२।

बाइसमं अज्झयणं : रहनेमिज्जं

बावीसवां अध्ययन : रथनेमीय

मूल

१. सोरियपुरंमि नयरे, आसि राया महिड्ढिए।

वसुदेवे त्ति नामेणं, रायलक्खणसंजुए।।

हिन्‍दी अनुवाद

सोरियपुर१ नगर में राज-लक्षणों से युक्त२ वसुदेव नामक महान् ऋद्धिमान् राजा था।

२. तस्स भज्जा दुवे आसी, रोहिणी देवई तहा।

तासिं दोण्हं पि दो पुत्ता, इट्ठा रामकेसवा।।

उसके रोहिणी और देवकी नाम दो भार्याएं थीं। उन दोनों के राम और केशव—ये दो प्रिय पुत्र थे।

३. सोरियपुरंमि नयरे, आसि राया महिड्ढिए।

समुद्दविजए नामं, रायलक्खणसंजुए।।

सोरियपुर नगर में राज-लक्षणों से युक्त समुद्रविजय नामक महान् ऋद्धिमान् राजा था।

४. तस्स भज्जा सिवा नाम, तीसे पुत्तो महायसो।

भगवं अरिट्ठनेमि त्ति, लोगनाहे दमीसरे।।

उसके शिवा नामक भार्या थी। उसके भगवान् अरिष्टनेमि नामक पुत्र हुआ। वह लोकनाथ एवं जितेन्द्रियों में प्रधान था।

५. सोरिट्ठनेमिनामो उ, लक्खणस्सरसंजुओ।

अट्ठसहस्सलक्खणधरो, गोयमो कालगच्छवी।।

वह अरिष्टनेमि स्वर लक्षणों३से युक्त, एक हजार आठ शुभ-लक्षणों का धारक४, गौतम गोत्री और श्याम वर्ण वाला था।

६. वज्जरिसहसंघयणो, समचउरंसो झसोयरो।

तस्स राईमइं कन्नं, भज्जं जायइ केसवो।।

वह वज्रऋषभ संहनन५ और समचतुरस्र संस्थान वाला६ था। उसका उदर मछली के उदर जैसा था। केशव ने उसके लिए राजीमती कन्या की मांग की।

७. अह सा रायवरकन्ना, सुसीला चारुपेहिणी।

सव्वलक्खणसंपुन्ना, विज्जुसोयामणिप्पभा।।

वह राजकन्या सुशील, चारु-प्रेक्षिणी (मनोहर-चितवन वाली), स्त्री-जनोचित सर्व-लक्षणों से परिपूर्ण और चमकती हुई बिजली जैसी प्रभा वाली थी।७

८. अहाह जणओ तीसे, वासुदेवं महिड्ढियं।

इहागच्छऊ कुमारो, जा से कन्नं दलाम हं।।

उसके पिता उग्रसेन८ ने महान् ऋद्धिमान् वासुदेव से कहा—''कुमार यहां आए तो मैं उसे अपनी कन्या दे सकता हूं।''

९. सव्वोसहीहि ण्हविओ, कयकोउयमंगलो।

दिव्वजुयलपरिहिओ, आभरणेहिं विभूसिओ।।

अरिष्टनेमि को सर्व औषधियों के जल से९ नहलाया गया, कौतुक और मंगल किए गए,१० दिव्य वस्त्र-युगल११ पहनाया गया और आभरणों से विभूषित किया गया।

१०. मत्तं च गंधहत्थिं, वासुदेवस्स जेट्ठगं।

आरूढो सोहए अहियं, सिरे चूडामणी जहा।।

वासुदेव के मदवाले ज्येष्ठ गन्धहस्ती पर१२ आरूढ़ अरिष्टनेमि सिर पर चूड़ामणि की भांति बहुत सुशोभित हुआ।

११. अह ऊसिएण छत्तेण, चामराहि य सोहिए।

दसारचक्केण य सो, सव्वओ परिवारिओ।।

अरष्टिनेमि ऊंचे छत्र-चामरों से सुशोभित और दसार-चक्र से१३ सर्वत: परिवृत था।

१२. चउरंगिणीए सेनाए, रइयाए जहक्कमं।

तुरियाण सन्निनाएण, दिव्वेण गगणं फुसे।।

यथाक्रम सजाई हुई चतुरंगिनी सेना और वाद्यों के गगन-स्पर्शी दिव्यनाद—

१३. एयारिसीए इड्ढीए, जुईए उत्तिमाए य।

नियगाओ भवणाओ, निज्जाओ वण्हिपुंगवो।।

ऐसी उत्तम ऋद्धि और उत्तम द्युति के साथ वह वृष्णिपुङ्गव१४ अपने भवन से चला।

१४. अह सो तत्थ निज्जंतो, दिस्स पाणे भयद्दुए।

वाडेहिं पंजरेहिं च, सन्निरुद्धे सुदुक्खिए।।

वहां जाते हुए उसने भय से संत्रस्त, बाड़ों और पिंजरों में निरुद्ध, सुदु:खित प्राणियों को देखा।१५

१५. जीवियंतं तु संपत्ते, मंसट्ठा भक्खियव्वए।

पासेत्ता से महापण्णे, सारहिं इणमब्बवी।।

वे मरणासन्न दशा को प्राप्त१६ थे और मांसाहार के लिए१७ खाए जाने वाले थे। उन्हें देख कर महाप्रज्ञ१८ अरिष्टनेमि ने सारथि से१९ इस प्रकार कहा—

१६. कस्स अट्ठा इमे पाणा, एए सव्वे सुहेसिणो।

वाडेहिं पंजरेहिं च, सन्निरुद्धा य अच्छहिं?।।

''सुख की चाह रखने वाले ये२० सब प्राणी किसलिए इन बाड़ों और पिंजरों में रोके हुए हैं?''

१७. अह सारही तओ भणइ, एए भद्दा उ पाणिणो।

तुज्झं विवाहकज्जंमि, भोयावेउं बहुं जणं।।

सारथि ने कहा—''ये भद्र२१ प्राणी तुम्हारे विवाह-कार्य में बहुत जनों को खिलाने के लिए यहां रोके हुए हैं।''

१८. सोऊण तस्स वयणं, बहुपाणिविणासणं।

चिंतेइ से महापण्णे, साणुक्कोसे जिएहि उ।।

सारथि का बहुत जीवों के वध का प्रतिपादक वचन सुन कर जीवों के प्रति सकरुण उस महाप्रज्ञ अरिष्टनेमि ने सोचा—

१९. जइ मज्झ कारणा एए, हम्मिहिंति बहू जिया।

न मे एयं तु निस्सेसं, परलोगे भविस्सई।।

''यदि मेरे निमित्त से इन बहुत से जीवों का वध होने वाला है तो यह परलोक में२२ मेरे लिए श्रेयस्कर नहीं होगा।''

२०. सो कुंडलाण जुयलं, सुत्तगं च महायसो।

आभरणाणि य सव्वाणि, सारहिस्स पणामए।।

उस महायशस्वी अरिष्टनेमि ने दो कुंडल, करधनी और सारे आभूषण उतार कर सारथि को दे दिए।२३

२१. मणपरिणामे य कए, देवा य जहोइयं समोइण्णा।

सव्वड्ढीए सपरिसा, निक्खमणं तस्स काउं जे।।

अरिष्टनेमि के मन में जैसे ही निष्क्रमण (दीक्षा) की भावना हुई, वैसे ही उसका निष्क्रमण-महोत्सव करने के लिए औचित्य के अनुसार देवता आए। उनका समस्त वैभव और उनकी परिषदें उनके साथ थीं।

२२. देवमणुस्सपरिवुडो, सीयारयणं तओ समारूढो।

निक्खमिय बारगाओ, रेवययंमि ट्ठिओ भगवं।।

देव और मनुष्यों से परिवृत भगवान् अरिष्टनेमि शिविका-रत्‍न में२४ आरूढ़ हुआ। द्वारका से२५ चल कर वह रैवतक (गिरनार) पर्वत पर स्थित हुआ।

२३. उज्जाणं संपत्तो, ओइण्णो उत्तिमाओ सीयाओ।

साहस्सीए परिवुडो, अह निक्खमई उ चित्ताहिं।।

अरिष्टनेमि सहस्राम्रवन उद्यान में पहुंच कर उत्तम शिविका से नीचे उतरा। उसने एक हजार मनुष्यों के साथ चित्रा नक्षत्र में निष्क्रमण किया।

२४. अह से सुगंधगंधिए, तुरियं मउयकुंचिए।

सयमेव लुंचई केसे, पंचमुट्ठीहिं समाहिओ।।

समाहित अरष्टिनेमि ने सुगन्ध से सुवासित सुकुमार और घुंघराले बालों का पंचमुष्टि से अपने आप तुरन्त लोच किया।

२५. वासुदेवो य णं भणइ, लुत्तकेसं जिइंदियं।

इच्छियमणोरहे तुरियं, पावेसू तं दमीसरा!।।

वासुदेव ने लुंचितकेश और जितेन्द्रिय अरिष्टनेमि से कहा—दमीश्‍वर! तुम अपने इच्छित-मनोरथ को शीघ्र प्राप्त करो।

२६. नाणेणं दंसणेणं च, चरित्तेण तहेव य।

खंतीए मुत्तीए, वड्ढमाणो भवाहि य।।

तुम ज्ञान, दर्शन, चारित्र, क्षान्ति और मुक्ति से बढ़ो।

२७. एवं ते रामकेसवा, दसारा य बहू जणा।

अरिट्ठणेमिं वंदित्ता, अइगया बारगापुरिं।।

इस प्रकार राम, केशव, दसार तथा दूसरे बहुत से लोग अरिष्टनेमि को वन्दना कर द्वारकापुरी में लौट आए।

२८. सोऊण रायकन्ना, पव्वज्जं सा जिणस्स उ।

नीहासा य निराणंदा, सोगेण उ समुत्थया।।

अरिष्टनेमि ने प्रव्रज्या की बात को सुन कर राजकन्या राजीमती अपनी हंसी-खुशी और आनन्द को खो बैठी। वह शोक से स्तब्ध हो गई।

२९. राईमई विचिंतेइ, धिरत्थु मम जीवियं।

जा हं तेण परिच्चत्ता, सेयं पव्वइउं मम।।

राजीमती ने सोचा—मेरे जीवन को धिक्कार है। जो मैं अरिष्टनेमि के द्वारा परित्यक्त हूं। अब मेरे लिए प्रव्रजित होना ही श्रेय है।

३०. अह सा भमरसन्निभे, कुच्चफणगपसाहिए।

सयमेव लुंचई केसे, धिइमंता ववस्सिया।।

धीर एवं कृत-निश्‍चय राजीमती ने कूर्च२६ व कंघी से२७ संवारे हुए भौंरे जैसे काले केशों का अपने आप लुंचन किया।२८

३१. वासुदेवो य णं भणइ, लुत्तकेसं जिइंदियं।

संसारसागरं घोरं, तर कन्ने! लहुं लहुं।।

वासुदेव ने लुंचित केशवाली और जितेन्द्रिय राजीमती से कहा—हे कन्ये! तू घोर संसार-सागर का अतिशीघ्रता से पार प्राप्त कर।

३२. सा पव्वइया संती, पव्वावेसी तहिं बहुं।

सयणं परियणं चेव, सीलवंता बहुस्सुया।।

शीलवती एवं बहुश्रुत राजीमती ने प्रव्रजित हो कर द्वारका में बहुत स्वजन और परिजन को प्रव्रजित किया।

३३. गिरिं रेवययं जंती, वासेणुल्ला उ अंतरा।

वासंते अंधयारम्मि, अंतो लयणस्स सा ठिया।।

वह अरिष्टनेमि को वंदना करने रैवतक पर्वत पर जा रही थी। बीच में वर्षा से भींग गई। वर्षा हो रही थी, अन्धेरा छाया हुआ था, उस समय वह लयन (गुफा) में ठहर गई।

३४. चीवराइं विसारंती, जहा जाय त्ति पासिया।

रहनेमी भग्गचित्तो, पच्छा दिट्ठो य तीइ वि।।

चीवरों को सुखाने के लिए फैलाती हुई राजीमती को रथनेमि ने यथाजात (नग्‍न) रूप में देखा। वह भग्‍न-चित्त हो गया। बाद में राजीमती ने भी उसे देख लिया।

३५. भीया य सा तहिं दट्ठुं, एगंते संजयं तयं।

बाहाहिं काउं 'संगोफं', वेवमाणी निसीयई।।

एकान्त में उस संयति को देख वह डरी और दोनों भुजाओं के गुम्फन से वक्ष को ढांक कर२९ कांपती हुई बैठ गई।

३६. अह सो वि रायपुत्तो, समुद्दविजयंगओ।

भीयं पवेवियं दट्ठुं, इमं वक्कं उदाहरे।।

उस समय समुद्रविजय के अंगज राज-पुत्र रथनेमि ने राजीमती को भीत और प्रकम्पित देख कर यह वचन कहा—

३७. रहनेमी अहं भद्दे, सुरूवे! चारुभासिणि!।

ममं भयाहि सुयणू!, न ते पीला भविस्सई।।

भद्रे! मैं रथनेमि हूं। सुरूपे! चारुभाषिणि! तू मुझे स्वीकार कर। सुतनु!३० तुझे कोई पीड़ा नहीं होगी।

३८. एहि ता भुंजिमो भोए, माणुस्सं खु सुदुल्लहं।

भुत्तभोगा तओ पच्छा, जिणमग्गं चरिस्सिमो।।

आ, हम भोग भोगें। निश्‍चित ही मनुष्य-जीवन बहुत दुर्लभ है। भुक्त-भोगी हो, फिर हम जिन-मार्ग पर चलेंगे।

३९. दट्ठूण रहनेमिं तं, भग्गुज्जोयपराइयं।

राईमई असंभंता, अप्पाणं संवरे तहिं।।

रथनेमि को संयम में उत्साहहीन और भोगों से पराजित देख कर राजीमती संभ्रान्त नहीं हुई। उसने वहीं अपने शरीर को वस्त्रों से ढंक लिया।

४०. अह सा रायवरकन्ना, सुट्ठिया नियमव्वए।

जाई कुलं च सीलं च, रक्खमाणी तयं वए।।

नियम और व्रत में३१ सुस्थित राजवर-कन्या राजीमती ने जाति, कुल और शील की रक्षा करते हुए रथनेमि से कहा—

४१. जइ सि रूवेण वेसमणो, ललिएण नलकूबरो।

तहा वि ते न इच्छामि, जइ सि सक्खं पुरंदरो।।

(पक्खंदे जलियं जोइं, धूमकेउं दुरासयं।

नेच्छंति वंतयं भोत्तुं, कुले जाया अगंधणे।।)

यदि तू रूप में वैश्रमण है, लालित्य से नलकूबर है और तो क्या, यदि तू साक्षात् इन्द्र है तो भी मैं तुझे नहीं चाहती।

(अगंधन कुल में उत्पन्न सर्प ज्वलित, विकराल, धूमशिख-अग्‍नि में प्रवेश कर जाते हैं परन्तु (जीने के लिए) वमन किए हुए विष को वापस पीने की इच्छा नहीं करते।)

४२. धिरत्थु ते जसोकामी!, जो तं जीवियकारणा।

वंतं इच्छसि आवेउं, सेयं ते मरणं भवे।।

हे यश:कामिन्!३२ धिक्कार है तुझे। जो तू भोगी-जीवन के लिए वमी हुई वस्तु को पीने की इच्छा करता है।३३ इससे तो तेरा मरना श्रेय है।

४३. अहं च भोयरायस्स, तं च सि अंधगवण्हिणो।

मा कुले गंधणा होमो, संजमं निहुओ चर।।

मैं भोज-राज की पुत्री हूं और तू अन्धक-वृष्णि का३४ पुत्र। हम कुल में गन्धन सर्प३५ की तरह न हों। तू निभृत हो—स्थिर मन हो—संयम का पालन कर।

४४. जइ तं काहिसि भावं, जा जा दिच्छसि नारिओ।

वायाविद्धो व्व हढो, अट्ठिअप्पा भविस्ससि।।

यदि तू स्त्रियों को देख उनके प्रति इस प्रकार राग-भाव करेगा तो वायु से आहत हट (जलीय वनस्पति—काई)३६ की तरह अस्थितात्मा हो जाएगा।

४५. गोवालो भंडवालो वा, जहा तद्दव्वऽणिस्सरो।

एवं अणिस्सरो तं पि, सामण्णस्स भविस्ससि।।

(कोहं माणं निगिण्हित्ता, मायं लोभं च सव्वसो।

इंदियाइं वसे काउं, अप्पाणं उवसंहरे।।)

जैसे गोपाल और भाण्डपाल३७ गायों और किराने के स्वामी नहीं होते, इसी प्रकार तू भी श्रामण्य का स्वामी नहीं होगा।

(तू क्रोध और मान का निग्रह कर। माया और लोभ पर सब प्रकार से विजय पा। इन्द्रियों को अपने अधीन बना। अपने शरीर का उपसंहार कर—उसे अनाचार से निवृत्त कर)।

४६. तीसे सो वयणं सोच्चा, संजयाए सुभासियं।

अंकुसेण जहा नागो, धम्मे संपडिवाइओ।।

संयमिनी के इन सुभाषित वचनों को सुनकर, रथनेमि धर्म में वैसे ही स्थिर हो गया, जैसे अंकुश से हाथी होता है।

४७. मणगुत्तो वयगुत्तो, कायगुत्तो जिइंदिओ।

सामण्णं निच्चलं फासे, जावज्जीवं दढव्वओ।।

वह मन, वचन और काया से गुप्त, जितेन्द्रिय तथा दृढ़व्रती हो गया। उसने फिर आजीवन निश्‍चल भाव से श्रामण्य का पालन किया।

४८. उग्गं तवं चरित्ताणं, जाया दोण्णि वि केवली।

सव्वं कम्मं खवित्ताणं, सिद्धिं पत्ता अणुत्तरं।।

उग्र-तप का आचरण कर तथा सब कर्मों को खपा, वे दोनों (राजीमती और रथनेमि) अनुत्तर सिद्धि को प्राप्त हुए।

४९. एवं करेंति संबुद्धा, पंडिया पवियक्खणा।

विणियट्टंति भोगेसु, जहा सो पुरिसोत्तमो।।

सम्बुद्ध, पण्डित और प्रविचक्षण पुरुष ऐसा ही करते हैं—वे भोगों से वैसे ही दूर हो जाते हैं, जैसे कि पुरुषोत्तम रथनेमि हुआ।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २२ : रथनेमीय

१. सोरियपुर (सोरियपुरंमि)

यह कुशावर्त जनपद की राजधानी थी।

विशेष विवरण के लिए देखें—परिशिष्ट—, भौगोलिक परिचय।

२. राज-लक्षणों से युक्त (रायलक्खणसंजुए)

सामुद्रिकशास्त्र के अनुसार राजा के लक्षण चक्र, स्वस्तिक, अंकुश आदि होते हैं और योग्यता की दृष्टि से त्याग, सत्य, शौर्य आदि गुण। तीसरे श्‍लोक की वृत्ति में राजा के लक्षण छत्र, चामर, सिंहासन आदि राज-चिन्ह बताए गए हैं।

३. स्वर-लक्षणो... (लक्खणस्सर...)

शान्त्याचार्य ने सौन्दर्य, गाम्भीर्य आदि को स्वर-लक्षण माना है। आर्ष प्राकृत के अनुसार यहां 'सर' और 'लक्खण' का व्यत्यय है। 'सरलक्खण' के स्थान पर 'लक्खणस्सर' ऐसा प्रयोग है।

४. एक हजार आठ शुभ लक्षणों का धारक (अट्ठसहस्स- लक्खणधरो)

शरीर के साथ-साथ उत्पन्न होने वाले छत्र, चक्र, अंकुश आदि रेखा-जनित आकारों को 'लक्षण' कहा जाता है। साधारण मनुष्यों के शरीर में ३२, बलदेव तथा वासुदेव के १०८, चक्रवर्ती और तीर्थंकर के १००८ लक्षण होते हैं।

५. वज्रऋषभ संहनन (वज्जरिसहसंघयणो)

संहनन का अर्थ है—अस्थि-बन्धन—हड्डियों के बन्धन। इसके छह प्रकार हैं—

(१) वज्रऋषभ-नाराच।

(२) ऋषभ-नाराच।

(३) नाराच।

(४) अर्ध नाराच।

(५) कीलिका।

(६) असंप्राप्तसृपाटिका।

जिसमें सन्धि की दोनों हड्डियां आपस में आंटी लगाए हुए हों, उन पर तीसरी हड्डी का वेष्टन हो, चौथी हड्डी की कील उन तीनों को भेद कर रही हुई हो, ऐसे सुदृढ़तम अस्थि-बन्धन का नाम 'वज्रऋषभ-नाराच संहनन' है।

६. समचतुरस्र संस्थान वाला (समचउरंसो)

संस्थान का अर्थ है—शरीर की आकृति। उसके छह प्रकार हैं—

(१) समचतुरस्र।

(२) न्यग्रोधपरिमण्डल।

(३) स्वाति (सादि)।

(४) वामन।

(५) कुब्ज।

(६) हुण्ड

पालथी मार कर बैठे हुए व्यक्ति के चारों कोण सम होते हैं, वह 'समचतुरस्र संस्थान' है।

७. चमकती हुई बिजली जैसी प्रभा वाली थी (विज्जुसोया- मणिप्पभा)

शान्त्याचार्य ने 'विद्युत सौदामिनी' का अर्थ 'चमकती हुई बिजली' अथवा 'अग्‍नि व बिजली' किया है। मतान्तर के अनुसार सौदामिनी का अर्थ 'प्रधानमणि' होता है।

८. पिता उग्रसेन (जणओ)

राजीमती के पिता नाम उग्रसेन था। उत्तरपुराण के अनुसार उग्रसेन का वंश इस प्रकार है—

समुद्रविजय आदि दश पुत्र (देखिए—श्‍लोक ११ का टिप्पण)

और दो पुत्रियां—कुन्ती, माद्री।

विष्णुपुराण के अनुसार उग्रसेन के ९ पुत्र और ४ पुत्रियां थी। पुत्रों का नाम—कंश, न्यग्रोध, सुनाम, आनकाह्व, शंकु, सभूमि, राष्ट्रपाल, युद्धतुष्टि और सुतुष्टिमान्।

पुत्रियों का नाम—कंसा, कंसवती, सुतनु और राष्ट्रपालिका।

'सुतनु' राजीमती का दूसरा नाम है। देखिए—श्‍लोक सैंतीस का टिप्पण।

९. सर्व औषधियों के जल से (सव्वोसहीहि)

शान्त्याचार्य ने स्‍नान में प्रयुक्त होने वाली कुछ औषधियां बतलाई हैं—जया, विजया, ऋद्धि, वृद्धि आदि।

१०. कौतुक और मंगल किए गए (कयकोउयमंगलो)

विवाह के पूर्व वर के ललाट से मूशल का स्पर्श करवाना आदि कार्य 'कौतुक' कहलाते हैं और दही, अक्षत, दूब, चन्दन आदि द्रव्य 'मंगल' कहलाते हैं। इनका विवाह आदि मंगल-कार्य में उपयोग होता है।

वाल्मीकि य रामायण के अनुसार समारोहों पर घर का अलंकरण किया जाता था, जो 'कौतुक-मंगल' कहलाता था।

११. दिव्य वस्त्र युगल (दिव्वजुयल)

प्राचीन काल में प्राय: दो ही वस्त्र पहने जाते थे—(१) अन्तरीय—नीचे पहनने के लिए धोती और (२) उत्तरीय—ऊपर ओढ़ने के लिए चद्दर।

१२. गन्धहस्ती पर (गंधहत्थिं)

गन्धहस्ती सब हस्तियों में प्रधान होता है, इसलिए इसे ज्येष्ठक (पट्ट-हस्ती) कहा गया है। इसकी गन्ध से दूसरे हाथी भाग जाते हैं या निर्वीय हो जाते हैं।

१३. दसारचक्र से (दसारचक्केण)

समुद्रविजय आदि दस यादव और उनका समूह 'दसारचक्र' कहलाता था।

शान्त्याचार्य तथा अभयदेव सूरि ने 'दसार' का संस्कृत रूप 'दशार्ह' किया है। दशवैकालिक चूर्णि में 'दसार' शब्द ही प्राप्त है। समुद्रविजय, अक्षोभ्य, स्तिमित, सागर, हिमवान्, अचल, धरण, पूरण, अभिचन्द्र, वसुदेव—ये दस भाई थे। उत्तरपुराण में 'धरण' के स्थान में 'धारण' और 'अभिचन्द्र' के स्थान में 'अभिनन्दन' नाम मिलता है। सम्भवत: इन्हीं के कारण 'दसार' शब्द चला किन्तु आगे चलकर वह यदुसमूह के अर्थ में रूढ़ हो गया। अन्तकृतदशा में 'दसण्हं दसाराणं' पाठ मिलता है। इसमें दसार के साथ दस शब्द और जुड़ा हुआ है। इससे लगता है कि दूसरा शब्द प्रत्येक भाई या यदुवंशी के लिए प्रयुक्त होने लगा था।

१४. वृष्णिपुंगव (वण्हिपुंगवो)

अन्धक और वृष्णि ये दो भाई थे। वृष्णि अरिष्टनेमि के दादा थे। उनसे वृष्णि कुल का प्रवर्त्तन हुआ। अरिष्टनेमि वृष्णिकुल में प्रधान पुरुष थे। अत: उन्हें यहां वृष्णिपुङ्गव कहा गया है। दशवैकालिक तथा इस अध्ययन के ४३वें श्‍लोक में इनका कुल 'अन्धक-वृष्णि' कहा गया है। अन्धक-वृष्णि-कुल दोनों भाइयों के संयुक्त नाम से प्रचलित था।

उत्तरपुराण में 'अन्धक-वृष्टि' शब्द है और यह एक ही व्यक्ति का नाम है। कुशार्थ (कुशार्त?) देश के सौर्यपुर नगर के स्वामी शूरसेन के शूरवीर नाम का पुत्र था। उसके दो पुत्र हुए—अन्धकवृष्टि और नरवृष्टि। समुद्रविजय आदि अन्धकवृष्टि के पुत्र थे।

देखें—श्‍लोक ८ का टिप्पण।

१५. (श्‍लोक १४.२२)

उत्तराध्ययन के अनुसार अरिष्टनेमि ने बाड़ों में रोके हुए जानवरों को देखा, उनके बारे में सारथि से पूछा। सारथि ने बताया—ये आपके विवाह के भोज के लिए हैं। अरिष्टनेमि ने इसे अपने लिए उचित न समझा। उन्होंने अपने सारे आभरण उतार कर सारथि को दे दिए और वे अभिनिष्क्रिमण के लिए तैयार हो गए।

वे जानवर कहां रोके हुए थे और किसने रोके थे? मूल आगम में इसकी कोई चर्चा नहीं है। सुखबोधा के अनुसार वे उग्रसेन के द्वारा विवाह-मण्डप के आस-पास ही बाड़ों में रोके हुए थे।

उत्तरपुराण में इससे भिन्न कल्पना है। उसके अनुसार श्रीकृष्ण ने अरिष्टनेमि को विरक्त करने के लिए बाड़ों में हिरनों को एकत्रित करवाया था। श्रीकृष्ण ने सोचा—नेमिकुमार वैराग्य का कुछ कारण पाकर भोगों से विरक्त हो जाएंगे। ऐसा विचार कर वे वैराग्य का कारण जुटाने का प्रयत्‍न करने लगे। उनकी समझ में एक उपाया आया। उन्होंने बड़े-बड़े शिकारियों से पकड़वा कर अनेक मृगों का समूह बुलाया और उसे एक स्थान पर इकट्ठा कर उसके चारों ओर बाड़ लगवा दी तथा वहां जो रक्षक नियुक्त किए थे उनसे कह दिया कि यदि भगवान् नेमिनाथ दिशाओं का अवलोकन करने के लिए आएं और इन मृगों के विषय में पूछें तो उनसे साफ-साफ कह देना कि आपके विवाह में मारने के लिए चक्रवर्ती ने यह मृगों का समूह बुलवाया है।

एक दिन नेमिकुमार चित्रा नामकी पालकी पर आरूढ़ होकर दिशाओं का अवलोकन करने के लिए निकले। वहां उन्होंने घोर करुण स्वर से चिल्ला-चिल्लाकर इधर-उधर दौड़ते, प्यासे, दीनदृष्टि से युक्त तथा भय से व्याकुल हुए मृगों को देख दयावश वहां के रक्षकों से पूछा कि यह पशुओं का बहुत भारी समूह यहां एक जगह किसलिए रोका गया है? उत्तर में रक्षकों ने कहा—''हे देव! आपके विवाहोत्सव में व्यय करने के लिए महाराज श्रीकृष्ण ने इन्हें बुलाया है।'' यह सुनते ही भगवान् नेमिनाथ विचार करने लगे कि ये पशु जंगल में रहते हैं, तृण खाते हैं और कभी किसी का कुछ अपराध नहीं करते हैं फिर भी लोग इन्हें अपने भोग के लिए पीड़ा पहुंचाते हैं। ऐसा विचार कर वे विरक्त हुए और लौट कर अपने घर आ गए। रत्‍नत्रय प्रकट होने से उसी समय लोकांतिक देवों ने आकर उन्हें समझाया। अपने पूर्व-भवों का स्मरण कर वे भय से कांप उठे। उसी समय उन्होंने आकर दीक्षा-कल्याण का उत्सव किया।

किन्तु इसकी उपेक्षा उत्तराध्ययन का विवरण अधिक हृदयस्पर्शी है।

१६. मरणासन्न दशा को प्राप्त (जीवियंतं तु संपत्ते)

'जीवियंतं तु संपत्ते'—यहां निकट भविष्य में मारे जाने वाले या जीवन की अन्तिम दशा में होने वाले प्राणियों को 'मृत्यु-सम्प्राप्त' कहा है।

१७. मांसाहार के लिए (मंसट्ठा)

(१) मांस के लिए या (२) मांस से मांस का उपचर होता है इसलिए अपना मांस बढ़ाने के लिए—ये दोनों 'मंसट्ठा' के अर्थ हो सकते हैं।

१८. महाप्रज्ञ (महापन्ने)

इसका प्रकरणगत अर्थ है—मतिज्ञान, श्रुतज्ञान और अवधिज्ञान से सम्पन्न।

१९. सारथि से (सारहिं)

अरिष्टनेमि राजभवन से गन्ध-हस्ती पर आरूढ़ होकर चले थे परन्तु सम्भवत: विवाह-मण्डप के समीप पहुंचकर वे रथ पर चढ़ गए—यह इस 'सारथि' शब्द से सूचित होता है या 'महावत' के अर्थ में ही सारथि शब्द प्रयुक्त हुआ है।

२०. ये (इमे...एए)

इन शब्दों का ऊहापोह करते हुए वृत्तिकार ने दो विकल्प प्रस्तुत किए हैं—

१. 'इमे' का अर्थ है—ये सब। इस स्थिति से 'एए' शब्द निरर्थक हो जाता है। किन्तु इसका पुन: कथन, अरिष्टनेमि के करुणाद्रहृदय में वे प्राणी बार-बार उभर रहे हैं—यह बताने के लिए है।

आचार्य नेमिचन्द्र का कथन है कि इसका प्रयोग घबड़ाहट बताने के लिए हुआ है।

२. 'इमे' का अर्थ है—प्रत्यक्ष में दीखने वाले और 'एए' का अर्थ है—निकटवर्ती। कहा भी है—

'इदम: प्रत्यक्षगतं समीपतरवर्त्ति चैतदो रूपम्।'

२१. भद्र (भद्दा)

वे प्राणि 'श्रेष्ठ' या 'निरपराध' थे इसलिए उन्हें यहां 'भद्र' कहा गया है। कुत्ते, सियार आदि अभद्र माने जाते हैं।

२२. परलोक में (परलोगे)

भगवान् अरिष्टनेमि चरम-शरीरी और विशिष्ट-ज्ञानी थे। फिर भी 'परलोक में मेरे लिए श्रेयस्कर नहीं होगा'—यह जो कहा—उसका तात्पर्य यह है कि यह पापकारी प्रवृत्ति है। किसी भी पापकारी प्रवृत्ति के लिए—'यह परलोक में श्रेयस्कर नहीं होगा'—इस सामान्य उक्ति का प्रयोग किया जाता है।

परलोक का एक अर्थ पशु-जगत् भी है। इस सन्दर्भ में प्रस्तुत चरणों का अर्थ—'यह मेरा कार्य पशु-जगत् के प्रति कल्याणकारी नहीं होगा'—यह भी किया जा सकता है।

२३. दे दिए (पणामए)

'अर्प' धातु को 'पणाम' आदेश होता है। इसका अर्थ है—देना।

२४. शिविका रत्‍न में (सीयारयणं)

इस शिविका का नाम 'उत्तरकुरु' था और इसका निर्माण देवों ने किया था।

२५. द्वारका से (बारगाओ)

देखें—परिशिष्ट ५—भौगोलिक परिचय।

२६. कूर्च (कुच्च)

उलझे हुए केशों को संवारने के काम आने वाला बांस का बना उपकरण विशेष।

२७. कंघी से (फणग)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है—कंघी। सूत्रकृतांग में इसी अर्थ में 'फणिह' शब्द प्रयुक्त हुआ है।

२८. (श्‍लोक ३०)

भगवान् अरिष्टनेमि दीक्षा लेकर जनपद में विचरण करने लगे। उन्हें केवल ज्ञान उत्पन्न हुआ। जब वे विचरण करते हुए पुन: द्वारका आए तब राजीमती ने उनकी देशना सुनी। पहले ही वह विरक्त थी, फिर विशेष विरक्त हुई। तत्पश्‍चात् उसने जो किया वह इस श्‍लोक में विर्णत है।

२९. भुजाओं के गुम्फन से वक्ष को ढांक कर (बाहाहिं काउं संगोफं)

संगोप का अर्थ है—भुजाओं का परस्पर गुम्फन—स्तनों पर मर्कट बन्ध लगाना।

नेमिचन्द्राचार्य ने इसका अर्थ 'पंकुटीबन्ध' किया है। उनके अनुसार इसका संस्कृत रूप 'संगोफ' है।

३०. सुतनु! (सुयणू)

इस शब्द से राजीमती को आमन्त्रित किया गया है। चूर्णि और टीकाओं में इसका कोई विशेष अर्थ नहीं है।

विष्णुपुराण के अनुसार उग्रसेन की चार पुत्रियों में एक का नाम सुतनु था। सम्भव है यह राजीमती का दूसरा नाम हो।

३१. नियम और व्रत में (नियमव्वए)

नियम का अर्थ है—पांचों इन्द्रियों तथा मन का नियमन और व्रत का अर्थ है—प्रव्रज्या, दीक्षा। नियम के विस्तृत अर्थ के लिए देखें—१९।५ का टिप्पण।

३२. हे यशस्कामिन्! (जसोकामी!)

वृत्तिकार ने मूल 'अयश:कामिन्' मानकर इसका अर्थ—अकीर्त्ति की इच्छा करने वाला—किया है। इसका वैकल्पिक अर्थ है—यश:कामिन्! महान् कुल में उत्पन्न होने के कारण प्राप्त यश की वाञ्छा करने वाला।

देखें—दसवेआलियं, २।७ का टिप्पण।

३३. वमी हुई वस्तु को पीने की इच्छा करता है। (वंतं इच्छसि आवेउं)

वृत्ति में एक सुन्दर श्‍लोक उद्धृत है—

विज्ञाय वस्तु निन्द्यं, त्यक्त्वा गृह्णन्ति किं क्‍वचित् पुरुषा:।

वान्तं पुनरपि भुंक्ते, न च सर्व: सारमेयोऽपि।।

३४. भोजराज की...और तू अन्धकवृष्णि का (भोयरायस्स अन्धगवण्हिणो)

विष्णुपुराण में कंस को भोजराज कहा है। कीर्तिराज (वि० १४९५ से पूर्ववर्ती) द्वारा रचित नेमिनाथ चरित में उग्रसेन को भोजराज तथा राजीमती को भोज-पुत्री या भोजराज-पुत्री कहा गया है। कुछ प्रतियों में 'भोगरायस्स' पाठ मिलता है। 'ज' को 'ग' का वर्णादेश होता है। इसलिए 'भोगरायस्स' पाठ भी शुद्ध है। इसका संस्कृत रूप 'भोजराजस्य' ही होगा।

भोज यादवों का एक विभाग था। कृष्ण जिस संघ-राज्य के नेता थे, उसमें यादव, कुकुर, भोज और अन्धक-वृष्णि सम्मिलित थे। अन्धक और वृष्णि—ये दो अलग-अलग राजनीतिक दल थे। इनका उल्लेख पाणिनि ने भी किया है। ये दोनों दल एक ही भूभाग पर शासन करते थे। ऐसी शासनप्रणाली को विरुद्ध-राज्य कहा जाता था। अन्धकों के नेता अक्रूर, बृष्णियों के नेता वासुदेव और भोज के नेता उग्रसेन थे।

देखें—दसवेआलियं २।८ का टिप्पण।

३५. गंधन सर्प (गंधणा)

सर्प की दो जातियां हैं—गन्धन और अगन्धन। गंधन जाति के सर्प डसने के बाद मंत्रों से आकृष्ट किए जाने पर, डसे हुए व्यक्ति के व्रण से मुंह लगाकर विष को वापस खींच लेते हैं। वे अग्‍नि से जलकर मरना नहीं चाहते। अगन्धन जाति के सर्प अग्‍नि में जलकर भस्म हो जाना पसन्द करते हैं, पर वान्त विष को पुन: चूसना नहीं चाहते।

देखें—दसवेआलियं, २।६ का टिप्पण।

३६. हट—जलीय वनस्पति—काई (हढो)

वृत्तिकार ने इसका अर्थ वनस्पति-विशेष किया है। दशवैकालिक की हारिभद्रीय वृत्ति में इसका अर्थ है—एक प्रकार की अबद्धमूल वनस्पति। इसको सेवाल कहा जाता है।

विशेष विवरण के लिए देखें—दसवेआलियं, २।९ का टिप्पण।

३७. भांडपाल (भंडवालो)

भाण्डपाल वह व्यक्ति होता है जो दूसरों की वस्तुओं की किराए (भाडे) पर सुरक्षा करता है।

♦

तेवीसवां अध्ययन : केशि-गौतमीय

23

तेवीसवां अध्ययन : केशि-गौतमीय

आमुख

इस अध्ययन में पार्श्‍वापत्यीय कुमार-श्रमण केशी और भगवान् महावीर के प्रमुख शिष्य गौतम का संवाद है। इसलिए इसका नाम 'केसिगोयमिज्जं'—'केशि-गौतमीय' है।

भगवान् पार्श्‍वनाथ जैन परम्परा के तेईसवें तीर्थंकर थे और उनका शासन-काल भगवान् महावीर से ढाई शताब्दी पूर्व का था। भगवान् महावीर के शासन-काल में अनेक पार्श्‍वापत्यीय श्रमण तथा श्रावक विद्यमान थे। पार्श्‍वनाथ की परम्परा के श्रमणों तथा श्रावकों का भगवान् महावीर के शिष्यों से आलाप-संलाप और मिलन हुआ। उसका उल्लेख आगमों तथा व्याख्या-ग्रन्थों में मिलता है। भगवान् महावीर के माता-पिता पार्श्‍वनाथ की परम्परा को मानने वाले श्रमणोपासक थे।

भगवती सूत्र में 'कालासवैशिक पुत्र' पार्श्‍वापत्यीय श्रमण का उल्लेख है। वे अनेक निर्ग्रन्थ स्थविरों से मिलते हैं। उनसे तात्विक चर्चा कर समाधान पाते हैं और अपनी पूर्व परम्परा का विसर्जन कर भगवान् महावीर की परम्परा को स्वीकार कर लेते हैं।

एक बार भगवान् महावीर राजगृह में समवसृत थे। वहां भगवान् पार्श्‍व की परम्परा के कई स्थविर आए और भगवान् से तात्विक चर्चा की। उनका मूल प्रश्‍न यह था—''इस परिमित लोक में अनन्त रात-दिन या परिमित रात-दिन की बात कैसे संगत हो सकती है?'' भगवान् महावीर उन्हें समाधान देते हैं और वे सभी स्थविर चातुर्याम-धर्म से पंचयाम-धर्म में दीक्षित हो जाते हैं।

भगवान् महावीर वाणिज्यग्राम में थे। पार्श्‍वापत्यीय श्रमण गांगेय भगवान् के पास आया। उसने जीवों की उत्पत्ति और च्युति के बारे में प्रश्‍न किए। उसे पूरा समाधान मिला। उसने भगवान् की सर्वज्ञता पर विश्‍वास किया और वह उनका शिष्य बन गया।

उदक पेढाल पार्श्‍वनाथ की परम्परा में दीक्षित हुआ था। एक बार जब गणधर गौतम नालन्दा में स्थित थे तब वह उनके पास गया, चर्चा की और समाधान पा उनका शिष्य हो गया।

भगवान् महावीर कोलाग सन्निवेश से विहार कर पत्रालय ग्राम से होते हुए कुमार सन्निवेश में आए और चम्पक रमणीय उद्यान में ठहरे। उसी सन्निवेश में पार्श्‍वापत्यीय स्थविर मुनिचन्द्र अपने शिष्य परिवार के साथ कृपनक नामक कुंभकार की शाला में ठहरे हुए थे। वे जिनकल्प-प्रतिमा की साधना कर रहे थे। वे अपने शिष्य को गण का भार दे स्वयं 'सत्त्व-भावना' में अपनी आत्मा को भावित करते हुए विचरण करते थे।

गोशाला भगवान् के साथ था। उसने गांव में घूमते-घूमते पार्श्‍वापत्यीय स्थविर मुनिचन्द्र को देखा। उनके पास जा उसने पूछा—'तुम कौन हो?'

उन्होंने कहा—'हम श्रमण निर्ग्रन्थ हैं।'

गोशाला ने कहा—अहो! तुम कैसे श्रमण निर्ग्रन्थ? निर्ग्रन्थ होते हुए भी तुम अपने पास इतने ग्रन्थ—परिग्रह क्यों रखते हो?

इतना कह उसने भगवान् की बात उनसे कही और पूछा—'क्या तुम्हारे संघ में भी ऐसा कोई महात्मा है?'

मुनिचन्द्र ने कहा—'जैसे तुम हो वैसे ही तुम्हारे आचार्य होंगे।'

इस पर गोशाला कुपित हो गया। उसने क्रोधाग्‍नि से जलते हुए कहा—'यदि मेरे धर्माचार्य के तप का प्रभाव है तो तुम्हारा यह प्रतिश्रय—आश्रय जल कर भस्म हो जाए।'

मुनिचन्द्र ने कहा—'तुम्हारे कहने मात्र से हम नहीं जलेंगे।'

गोशाला भगवान् के पास आया और बोला—'भगवन्! आज मैंने सारम्भ, सपरिग्रही साधुओं को देखा है।'

भगवान् ने कहा—वे पार्श्‍वनाथ की परम्परा के साधु हैं।

रात का समय हुआ। कुंभकार कूपनक विकाल वेला में बाहर से अपने घर पहुंचा। उसने एक ओर एक व्यक्ति को ध्यानस्थ खड़े देखा और यह सोच कर कि 'यह चोर है', उसके गले को पकड़ा। स्थविर मुनिचन्द्र का गला घुटने लगा। असह्य वेदना हो रही थी पर वे अकम्प रहे। ध्यान की लीनता बढ़ी। वे केवली हुए और समस्त कर्मों को क्षीण कर सिद्ध, बुद्ध, मुक्त हो गए।

एक बार भगवान् महावीर 'चोराग' सन्निवेश में गए। गोशाला साथ था। वहां के अधिकारियों ने इन्हें गुप्तचर समझ पकड़ लिया। गोशाले को एक रस्सी से बांध कर कुएं से लटका दिया। वहां उत्पल की दो बहनें—शोभा और जयन्ति रहती थीं। वे दोनों दीक्षित होने में असमर्थ थीं, अत: पार्श्‍वापत्यीय परिव्राजिकाओं के रूप में रहती थीं। उन्होंने लोगों को महावीर के विषय में यथार्थ जानकारी दी। अधिकारियों ने महावीर तथा गोशाला को बन्धन-मुक्त कर दिया।

एक बार भगवान् 'तम्बाक' ग्राम में गए। वहां पार्श्‍वापत्यीय स्थविर नन्दीसेण अपने बहुश्रुत मुनियों के बहुत बड़े परिवार के साथ आए हुए थे। आचार्य नन्दीसेण जिनकल्प-प्रतिमा में स्थित थे। गोशालक ने उन्हें देखा और उनका तिरस्कार किया। गांव के अधिकारियों ने भी आचार्य को 'चर' समझकर पकड़ा और भालों से आहत किया। असह्य वेदना को समभाव से सहते हुए उन्हें केवलज्ञान हुआ। वे सिद्ध, बुद्ध, मुक्त हो गए।

एक बार भगवान् 'कूविय' सन्निवेश में गए। गोशाला साथ था। वहां के अधिकारियों ने दोनों को 'गुप्तचर' समझ कर पकड़ लिया। वहां पार्श्‍वापत्यीय परम्परा की दो परिव्राजिकाओं—विजया और प्रगल्भा ने आकर उन्हें छुड़ाया।

इस प्रकार पार्श्‍वनाथ की परम्परा के साधुओं की जानकारी देने वाले अनेक प्रसंग उपलब्ध होते हैं। मूल आगम-साहित्य में अनेक स्थलों पर भगवान् महावीर के मुख से पार्श्‍व के लिए 'पुरुषादानीय' शब्द का प्रयोग हुआ है। यह आदर-सूचक शब्द है।

कुमार-श्रमण केशी भगवान् पार्श्‍वनाथ की परम्परा के चौथे पट्टधर थे। प्रथम पट्टधर आचार्य शुभदत्त हुए। उनके उत्तराधिकारी आचार्य हरिदत्तसूरि थे, जिन्होंने वेदान्त-दर्शन के प्रसिद्ध आचार्य 'लोहिय' से शास्त्रार्थ कर उनको ५०० शिष्यों सहित दीक्षित किया। इन नव दीक्षित मुनियों ने सौराष्ट्र, तैलंग आदि प्रान्तों में विहार कर जैन-शासन की प्रभावना की। तीसरे पट्टधर आचार्य समुद्रसूरि थे। इनके काल में 'विदेशी' नामक एक प्रचारक आचार्य ने उज्जैन नगरी में महाराजा जयसेन, उनकी रानी अनंगसुन्दरी और उनके राजकुमार 'केशी' को दीक्षित किया। आगे चल कर मुनि केशी ने नास्तिक राजा प्रदेशी को समझाया और उसे जैन-धर्म में स्थापित किया।

एक बार कुमार-श्रमण केशी ग्रामानुग्राम विहरण करते हुए 'श्रावस्ती' में आए और 'तिन्दुक' उद्यान में ठहरे। भगवान् महावीर के शिष्य गणधर गौतम भी संयोगवश उसी नगर में आए और 'कोष्ठक' उद्यान में ठहरे। नगर में आते-जाते दोनों परम्पराओं के शिष्य एक दूसरे से मिले। दोनों के मन जिज्ञासा से भर गए। आपस में ऊहापोह करते हुए वे अपने-अपने आचार्य के पास आए। उनसे पारस्परिक भेदों की चर्चा की।

कुमार-श्रमण केशी और गणधर गौतम विशिष्ट ज्ञानी थे। वे सब कुछ जानते थे। परन्तु अपने शिष्यों के समाधान के लिए वे कुछ व्यावहारिक प्रयत्‍न करना चाहते थे। कुमार-श्रमण केशी पार्श्‍व की परम्परा के आचार्य होने के कारण गौतम से ज्येष्ठ थे, इसलिए गौतम अपने शिष्यों को साथ ले 'तिन्दुक' उद्यान में गये। आचार्य केशी ने आसन आदि दे उनका सत्कार किया। कई अन्य मतावलम्बी संन्यासी तथा उनके उपासक भी आए। आचार्य केशी तथा गणधर गौतम में संवाद हुआ। प्रश्‍नोत्तर चले। उनमें चातुर्याम और पंचयाम धर्म तथा सचेलकत्व और अचेलकत्व के प्रश्‍न मुख्य थे।

आचार्य केशी ने गौतम से पूछा—''भंते! भगवान् पार्श्‍व ने चातुर्याम धर्म की प्ररूपणा की और भगवान् महावीर ने पंचयाम धर्म की। दोनों का लक्ष्य एक है। फिर यह भेद क्यों? क्या यह पार्थक्य संदेह उत्पन्न नहीं करता?'' (श्‍लोक २३, २४)।

गौतम ने कहा—''भंते! प्रथम तीर्थङ्कर के श्रमण ऋजु-जड़, अन्तिम तीर्थङ्कर के वक्र-जड़ और मध्यवर्ती बाईस तीर्थङ्करों के श्रमण ऋजु-प्राज्ञ होते हैं। प्रथम तीर्थङ्कर के श्रमणों के लिए मुनि के आचार को यथावत् ग्रहण करना कठिन है, चरम तीर्थङ्कर के श्रमणों के लिए आचार का पालन करना कठिन है और मध्यवर्ती तीर्थङ्करों के मुनि उसे यथावत् ग्रहण करते हैं तथा सरलता से उसका पालन भी करते हैं। इन्हीं कारणों से धर्म के ये दो भेद हुए हैं।'' (श्‍लोक २५-२७)

आचार्य केशी ने पुन: पूछा—''भंते! एक ही प्रयोजन के लिए अभिनिष्क्रमण करने वाले इन दोनों परम्पराओं के मुनियों के वेश में यह विविधता क्यों है? एक सवस्त्र हैं और दूसरे अवस्त्र।'' (श्‍लोक २९, ३०)।

गौतम ने कहा—''भंते! मोक्ष के निश्‍चित साधन तो ज्ञान, दर्शन और चारित्र हैं। वेश तो बाह्य उपकरण है। लोगों को यह प्रतीत हो कि ये साधु हैं, इसलिए नाना प्रकार के उपकरणों की परिकल्पना की है। संयम-जीवन-यात्रा को निभाना और 'मैं साधु हूं'—ऐसा ध्यान आते रहना—वेश धारण के प्रयोजन हैं।'' (श्‍लोक ३२, ३३)

इन दो विषयों से यह आकलन किया जा सकता है कि किस प्रकार भगवान् महावीर ने अपने संघ में परिष्कार, परिवर्द्धन और संवर्द्धन किया था। उन्होंने चार महाव्रतों की परम्परा को बदल पांच महाव्रतों की स्थापना की, सचेल परम्परा के स्थान पर अचेल परम्परा को मान्यता दी, सामायिक चारित्र के साथ-साथ छेदोपस्थापनीय चारित्र की प्ररूपणा की तथा समिति-गुप्ति का पृथक् निरूपण कर उनका महत्व बढ़ाया।

भगवान् महावीर ने सचेल और अचेल—दोनों परम्पराओं के साधकों को मान्यता दी और उनकी साधना के लिए निश्‍चित पथ निर्दिष्ट किया। दोनों परम्पराएं एक ही छत्र-छाया में पनपीं, फूली-फलीं और उनमें कभी संघट्टन नहीं हुआ। भगवान् प्रारम्भ में सचेल थे। एक देवदूष्य धारण किए हुए थे। तदनन्तर वे अचेल बने और जीवन भर अचेल रहे। किन्तु उन्होंने सचेल और अचेल किसी एक को एकांगी मान्यता नहीं दी। दोनों के अस्तित्व को स्वीकार कर उन्होंने संघ को विस्तार दिया।

इस अध्ययन में आत्म-विजय और मनोनुशासन के उपायों का सुन्दर निरूपण है।

तेविसंइमं अज्झयणं : केसिगोयमिज्जं

तेवीसवां अध्ययन : केशि-गौतमीय

मूल

१. जिणे पासे त्ति नामेण, अरहा लोगपूइओ।

संबुद्धप्पा य सव्वण्णू, धम्मतित्थयरे जिणे।।

हिन्‍दी अनुवाद

पार्श्‍व१ नाम के जिन हुए। वे अर्हन्, लोक-पूजित, संबुद्धात्मा, सर्वज्ञ, धर्म-तीर्थ के प्रवर्तक और वीतराग थे।

२. तस्स लोगपईवस्स, आसि सीसे महायसे।

केसीकुमारसमणे, विज्जाचरणपारगे।।

लोक को प्रकाशित करने वाले उन अर्हत् पार्श्‍व के केशी नामक शिष्य हुए। वे महान् यशस्वी, विद्या और आचार के पारगामी कुमार-श्रमण२ थे।

३. ओहिनाणसुए बुद्धे, सीससंघसमाउले।

गामाणुगामं रीयंते, सावत्थिं नगरिमागए।।

वे अवधि-ज्ञान और श्रुत-सम्पदा के तत्त्वों को जानते थे। वे शिष्य-संघ से परिवृत हो कर ग्रामानुग्राम विहार करते हुए श्रावस्ती नगरी में आए।

४. तिंदुयं नाम उज्जाणं, तम्मी नगरमंडले।

फासुए सिज्जसंथारे, तत्थ वासमुवागए।।

उस नगर के पार्श्‍व में३ 'तिंदुक' उद्यान था। वहां जीव-जन्तु रहित शय्या (मकान) और संस्तार (आसन) लेकर वे ठहर गए।

५. अह तेणेव कालेणं, धम्मतित्थयरे जिणे।

भगवं वद्धमाणो त्ति, सव्वलोगम्मि विस्सुए।।

उस समय भगवान् वर्धमान विहार कर रहे थे। वे धर्म-तीर्थ के प्रवर्तक, जिन और समूचे लोक में विश्रुत थे।

६. तस्स लोगपईवस्स, आसि सीसे महायसे।

भगवं गोयमे नामं, विज्जाचरणपारगे।।

लोक को प्रकाशित करने वाले उन भगवान् वर्धमान के गौतम नाम के शिष्य थे। वे महान् यशस्वी, भगवान् तथा विद्या और आचार के पारगामी थे।

७. बारसंगविऊ बुद्धे, सीससंघसमाउले।

गामाणुगामं रीयंते, से वि सावत्थिमागए।।

वे बारह अंगों को जानने वाले और बुद्ध थे। शिष्य संघ से परिवृत होकर ग्रामानुग्राम विहार करते हुए वे भी श्रावस्ती में आ गए।

८. कोट्ठगं नाम उज्जाणं, तम्मी नयरमंडले।

फासुए सिज्जसंथारे, तत्थ वासमुवागए।।

उस नगर के पार्श्‍व-भाग में 'कोष्ठक' उद्यान था। वहां जीव-जन्तु रहित शय्या और संस्तार लेकर वे ठहर गए।

९. केसीकुमारसमणे, गोयमे य महायसे।

उभओ वि तत्थ विहरिंसु, अल्लीणा सुसमाहिया।।

कुमार-श्रमण केशी और महान् यशस्वी गौतम—दोनों वहां विहार कर रहे थे। वे आत्मलीन४ और मन की समाधि से सम्पन्न थे।५

१०. उभओ सीससंघाणं, संजयाणं तवस्सिणं।

तत्थ चिंता समुप्पन्ना, गुणवंताण ताइणं।।

उन दोनों का शिष्य-समूह, जो संयत, तपस्वी, गुणवान् और त्रायी था, के मन में एक तर्क६ उत्पन्न हुआ।

११. केरिसो वा इमो धम्मो?, इमो धम्मो व केरिसो?।

आयारधम्मपणिही, इमा वा सा व केरिसी?।।

यह हमारा धर्म कैसा है? और यह धर्म कैसा है? आचार-धर्म की व्यवस्था७ यह हमारी कैसी है? और वह उनकी कैसी है?

१२. चाउज्जामो य जो धम्मो, जो इमो पंचसिक्खिओ।

देसिओ वद्धमाणेण, पासेण य महामुणी।।

जो चातुर्याम-धर्म है, उसका प्रतिपादन महामुनि पार्श्‍व ने किया है और यह जो पंच-शिक्षात्मक-धर्म८ है, उसका प्रतिपादन महामुनि वर्धमान ने किया है।९

१३. अचेलगो य जो धम्मो, जो इमो संतरुत्तरो।

एगकज्जपवन्नाणं, विसेसे किं नु कारणं?।।

महामुनि वर्धमान ने जो आचार-धर्म की व्यवस्था की है वह अचेलक है१० और महामुनि पार्श्‍व ने जो यह आचार-धर्म की व्यवस्था की है, वह सान्तर (अन्तर् वस्त्र) तथा उत्तर (उत्तरीय वस्त्र) है।११ जबकि हम एक ही उद्देश्य से चले हैं तो फिर इस भेद का क्या कारण है?

१४. अह ते तत्थ सीसाणं, विण्णाय पवितक्कियं।

समागमे कयमई, उभओ केसिगोयमा।

उन दोनों—केशी और गौतम ने अपने-अपने शिष्यों की वितर्कणा को जान कर परस्पर मिलने का विचार किया।

१५. गोयमे पडिरूवण्णू, सीससंघसमाउले।

जेट्ठं कुलमवेक्खंतो, तिंदुयं वणमागओ।।

गौतम ने विनय की मर्यादा का औचित्य देखा।१२ केशी का कुल ज्येष्ठ था, इसलिए गौतम शिष्य-संघ को साथ लेकर तिंदुक वन में चले आए।

१६. केसीकुमारसमणे, गोयमं दिस्समागयं।

पडिरूवं पडिवत्तिं, सम्मं संपडिवज्जई।।

कुमार-श्रमण केशी ने गौतम को आए देख कर सम्यक् प्रकार से उनका उपयुक्त आदर किया।१३

१७. पलालं फासुयं तत्थ, पंचमं कुसतणाणि य।

गोयमस्स निसेज्जाए, खिप्पं संपणामए।।

उन्होंने तुरन्त ही गौतम को बैठने के लिए प्रासुक पलाल (चार प्रकार के अनाजों के डंठल) और पांचवी कुश नाम की घास१४ दी।

१८. केसीकुमारसमणे, गोयमे व महायसे।

उभओ निसण्णा सोहंति, चंदसूरसमप्पभा।।

चन्द्र और सूर्य के समान शोभा वाले कुमार-श्रमण केशी और महान् यशस्वी गौतम—दोनों बैठे हुए शोभित हो रहे थे।

१९. समागया बहू तत्थ, पासंडा कोउगा मिगा।

गिहत्थाणं अणेगाओ, साहस्सीओ समागया।।

वहां कुतूहल को ढूंढने वाले१५ दूसरे-दूसरे सम्प्रदायों के अनेक साधु१६ आए और हजारों-हजारों गृहस्थ आए।

२०. देवदाणवगंधव्वा, जक्खरक्खसकिन्नरा।

अदिस्साणं च भूयाणं, आसी तत्थ समागमो।।

देव, दानव, गन्धर्व, यक्ष, राक्षस, किन्नर और अदृश्य भूतों का वहां मेला-सा हो गया है।

२१. पुच्छामि ते महाभाग!, केसी गोयममब्बवी।

तओ केसिं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

हे महाभाग! मैं तुम्हें पूछता हूं—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम ने इस प्रकार कहा—

२२. पुच्छ भंते! जहिच्छं ते, केसिं गोयममब्बवी।

तओ केसी अणुण्णाए, गोयमं इणमब्बवी।।

भंते! जैसी इच्छा हो वैसा पूछो। केशी ने प्रश्‍न करने की अनुज्ञा पाकर गौतम से इस प्रकार कहा१७—

२३. चाउज्जामो य जो धम्मो, जो इमो पंचसिक्खिओ।

देसिओ वद्धमाणेण, पासेण य महामुणी।।

जो चातुर्याम-धर्म है, उसका प्रतिपादन महामुनि पार्श्‍व ने किया है और यह जो पंचशिक्षात्मक-धर्म है, उसका प्रतिपादन महामुनि वर्धमान ने किया है।

२४. एगकज्जपवन्नाणं, विसेसे किं नु कारणं?।

धम्मे दुविहे मेहावि!, कहं विप्पच्चओ न ते?।।

एक ही उद्देश्य के लिए हम चले हैं तो फिर इस भेद का क्या कारण है? मेधाविन्! धर्म के इन दो प्रकारों में तुम्हें सन्देह कैसे नहीं होता?

२५. तओ केसिं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।

पण्णा समिक्खए धम्मं, तत्तं तत्तविणिच्छयं।।

केशी के कहते-कहते ही गौतम ने इस प्रकार कहा—धर्म-तत्त्व१८ और तत्त्व-विनिश्‍चय की समीक्षा प्रज्ञा से होती है।

२६. पुरिमा उज्जुजडा उ, वंकजडा य पच्छिमा।

मज्झिमा उज्जुपण्णा य, तेण धम्मे दुहा कए।।

पहले तीर्थंकर के साधु ऋजु और जड़ होते हैं। अंतिम तीर्थंकर के साधु वक्र और जड़ होते हैं। बीच के तीर्थङ्करों के साधु ऋजु और प्राज्ञ होते हैं, इसलिए धर्म के दो प्रकार किए हैं।१९

२७. पुरिमाणं दुव्विसोज्झो उ, चरिमाणं दुरणुपालओ।

कप्पो मज्झिमगाणं तु, सुविसोज्झो सुपालओ।।

पूर्ववर्ती साधुओं के लिए मुनि के आचार को यथावत् ग्रहण कर लेना कठिन है। चरमवर्ती साधुओं के लिए मुनि के आचार का पालन कठिन है। मध्यवर्ती साधु उसे यथावत् ग्रहण कर लेते हैं और उसका पालन भी वे सरलता से करते हैं।

२८. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

२९. अचेलगो य जो धम्मो, जो इमो संतरुत्तरो।

देसिओ वद्धमाणेण, पासेण य महाजसा।।

महामुनि वर्धमान ने जो आचार-धर्म की व्यवस्था की है वह अचेलक है और महान् यशस्वी पार्श्‍व ने जो यह आचार-धर्म की व्यवस्था की है वह सान्तर (अन्तर् वस्त्र) तथा उत्तर (उत्तरीय वस्त्र) है।

३०. एगकज्जपवन्नाणं, विसेसे किं नु कारणं?।

लिंगे दुविहे मेहावि!, कहं विप्पच्चओ न ते?।।

एक ही उद्देश्य के लिए हम चले हैं तो फिर इस भेद का क्या कारण है? मेधाविन्! वेष के इन प्रकारों में तुम्हें संदेह कैसे नहीं होता?

३१. केसिमेवं बुवाणं तु, गोयमो इणमब्बवी।

विण्णाणेण समागम्म, धम्मसाहणमिच्छियं।।

केशी के कहते-कहते ही गौतम ने इस प्रकार कहा—विज्ञान से यथोचित जान कर ही धर्म के साधनों—उपकरणों की अनुमति दी गई है।

३२. पच्चयत्थं च लोगस्स, नाणाविहविगप्पणं।

जत्तत्थं गहणत्थं च, लोगे लिंगप्पओयणं।।

लोगों को यह प्रतीति हो कि ये साधु हैं, इसलिए नाना प्रकार के उपकरणों की परिकल्पना की गई है। जीवन-यात्रा को निभाना और 'मैं साधु हूं', ऐसा ध्यान आते रहना२०—वेष-धारण के इस लोक में ये प्रयोजन हैं।

३३. अह भवे पइण्णा उ, मोक्खसब्भूयसाहणे।

नाणं च दंसणं चेव, चरित्तं चेव निच्छए।।

यदि मोक्ष के वास्तविक साधन की प्रतिज्ञा हो तो निश्‍चय-दृष्टि में उसके साधन ज्ञान, दर्शन और चारित्र ही हैं।२१

३४. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

३५. अणेगाणं सहस्साणं, मज्झे चिट्ठसि गोयमा!।

ते य ते अहिगच्छंति, कहं ते निज्जिया तुमे?।।

गौतम! तुम हजारों-हजारों शत्रुओं (कषायजनित वृत्तियों) के बीच खड़े हो। वे तुम्हें जीतने को तुम्हारे सामने आ रहे हैं। तुमने उन्हें कैसे पराजित किया?

३६. एगे जिए जिया पंच, पंच जिए जिया दस।

दसहा उ जिणित्ताणं, सव्वसत्तू जिणामहं।।

एक (चित्त) को जीत लेने पर पांच जीते गए। पांच को जीत लेने पर दस जीते गए। दसों को जीत कर मैं सब शत्रुओं को जीत लेता हूं।

३७. सत्तू य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

तओ केसिं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

शुत्र कौन कहलाता है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

३८. एगप्पा अजिए सत्तू, कसाया इंदियाणि य।

ते जिणित्तु जहानायं, विहरामि अहं मुणी!।।

एक न जीती हुई आत्मा (चित्त) शत्रु है। कषाय और इन्द्रियां शत्रु हैं। मुनि! मैं उन्हें यथाज्ञात उपाय से२२ जीतकर विहार कर रहा हूं।

३९. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

४०. दीसंति बहवे लोए, पासबद्धा सरीरिणो।

मुक्कपासो लहुब्भूओ, कहं तं विहरसी? मुणी!।।

इस संसार में बहुत जीव पाश से बन्धे हुए दीख रहे हैं। मुने! तुम पाश से मुक्त और पवन की तरह प्रतिबंध-रहित होकर कैसे विहार कर रहे हो?२३

४१. ते पासे सव्वसो छित्ता, निहंतूण उवायओ।

मुक्कपासो लहुब्भूओ, विहरामि अहं मुणी!।।

मुने! इस पाशों को सर्वथा काट कर, उपायों से२४ विनष्ट कर, मैं पाश-मुक्त और प्रतिबन्ध-रहित होकर विहार करता हूं।

४२. पासा य इइ के वुत्ता?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

पाश किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

४३. रागद्दोसादओ तिव्वा, नेहपासा भयंकरा।

ते छिंदित्तु जहानायं, विहरामि जहक्कमं।।

प्रगाढ़ राग-द्वेष और स्‍नेह भयंकर पाश हैं। मैं उन्हें यथाज्ञात उपाय के अनुसार छिन्न कर मुनि-आचार के साथ विहरण करता हूं।

४४. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

४५. अंतोहिययसंभूया, लया चिट्ठइ गोयमा!।

फलेइ विसभक्खीणि, सा उ उद्धरिया कहं?।।

गौतम! अन्तर् हृदय (मन) में उत्पन्न जो लता है जिसके विष-तुल्य२५ फल लगते हैं, उसे तुमने कैसे उखाड़ा?

४६. तं लयं सव्वसो छित्ता, उद्धरित्ता समूलियं।

विहरामि जहानायं, मुक्को मि विसभक्खणं।।

उस लता को यथाज्ञात उपाय के अनुसार सर्वथा छिन्न कर, जड़ से उखाड़ कर विहरण करता हूं, इसलिए मैं विष-फल के खाने से मुक्त हूं।

४७. लया य इइ का वुत्ता?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

लता किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

४८. भवतण्हा लया वुत्ता, भीमा भीमफलोदया।

तमुद्धरित्तु जहानायं, विहरामि महामुणी!।।

भव-तृष्णा को लता कहा गया है। वह भयंकर है और उसमें भयंकर फलों का परिपाक होता है। महामुने! मैं उसे यथाज्ञात उपाय के अनुसार उखाड़ कर विहरण करता हूं।

४९. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

५०. संपज्जलिया घोरा, अग्गी चिट्ठइ गोयमा!।

जे डहंति सरीरत्था, कहं विज्झाविया तुमे?।।

गौतम! घोर-अग्‍नियां प्रज्वलित होती रही हैं जो शरीर में रहती हुई मनुष्य को जला रही हैं। उन्हें तुमने कैसे बुझाया?

५१. महामेहप्पसूयाओ, गिज्झ वारि जलुत्तमं।

सिंचामि सययं देहं, सित्ता नो व डहंति मे।।

महामेघ से उत्पन्न निर्झर से सब जलों में उत्तम जल२६ लेकर मैं उन्हें सींचता रहता हूं। वे सींची हुई अग्‍नियां मुझे नहीं जलातीं।

५२. अग्गी य इइ के वुत्ता?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

अग्‍नि किन्हें कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

५३. कसाया अग्गिणो वुत्ता, सुयसीलतवो जलं।

सुयधाराभिहया संता, भिन्ना हु न डहंति मे।।

कषायों को अग्‍नि कहा गया है। श्रुत, शील और तप यह जल है। श्रुत की धारा से आहत किए जाने पर निस्तेज बनी हुई वे अग्‍नियां मुझे नहीं जलातीं।

५४. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

५५. अयं साहसिओ भीमो, दुट्ठस्सो परिधावई।

जंसि गोयम! आरूढो, कहं तेण न हीरसि?।।

यह साहसिक२७, भयंकर, दुष्ट-अश्‍व दौड़ रहा है। गौतम! तुम उस पर चढ़े हुए हो। वह तुम्हें उन्मार्ग में कैसे नहीं ले जाता?

५६. पधावंतं निगिण्हामि, सुयरस्सीसमाहियं।

न मे गच्छइ उम्मग्गं, मग्गं च पडिवज्जई।।

मैंने इसे श्रुत की लगाम से बांध लिया है। यह जब उन्मार्ग की ओर दौड़ता है तब मैं इस पर रोक लगा देता हूं। इसलिए मेरा अश्‍व उन्मार्ग को नहीं जाता, मार्ग में ही चलता है।

५७. अस्से य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

अश्‍व किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

५८. मणो साहसिओ भीमो, दुट्ठस्सो परिधावई।

तं सम्मं निगिण्हामि, धम्मसिक्खाए कंथगं।।

यह जो साहसिक, भयंकर, दुष्ट-अश्‍व दौड़ रहा है, वह मन है। उसे मैं भलीभांति अपने अधीन रखता हूं। धर्म-शिक्षा के द्वारा वह उत्तम-जाति का अश्‍व हो गया है।

५९. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

६०. कुप्पहा बहवो लोए, जेहिं नासंति जंतवो।

अद्धाणे कह वट्टंते, तं न नस्ससि? गोयमा!।।

लोक में कुमार्ग बहुत हैं। उन पर चलने वाले लोग भटक जाते हैं। गौतम! मार्ग में चलते हुए तुम कैसे नहीं भटकते?

६१. जे य मग्गेण गच्छंति, जे य उम्मग्गपट्ठिया।

ते सव्वे विइया मज्झं, तो न नस्सामहं मुणी!।।

जो मार्ग से चलते हैं और जो उन्मार्ग से चलते हैं, वे सब मुझे ज्ञात हैं। मुने! इसीलिए मैं नहीं भटक रहा हूं।

६२. मग्गे य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

मार्ग किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

६३. कुप्पवयणपासंडी, सव्वे उम्मग्गपट्ठिया।

सम्मग्गं तु जिणक्खायं, एस मग्गे हि उत्तमे।।

जो कुप्रवचन के दार्शनिक हैं२८, वे सब उन्मार्ग की ओर चले जा रहे हैं। जो राग-द्वेष को जीतने वाले जिन ने कहा है, वह सन्मार्ग है, क्योंकि यह सबसे उत्तम मार्ग है।

६४. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

६५. महाउदगवेगेणं, वुज्झमाणाण पाणिणं।

सरणं गई पइट्ठा य, दीवं कं मन्नसी? मुणी!।।

मुने! महान् जल के वेग से बहते हुए जीवों के लिए तुम शरण, गति, प्रतिष्ठा और द्वीप किसे मानते हो?

६६. अत्थि एगो महादीवो, वारिमज्झे महालओ।

महाउदगवेगस्स, गई तत्थ न विज्जई।।

जल के मध्य में एक लम्बा-चौड़ा महाद्वीप है। वहां महान् जल के वेग की गति नहीं है।

६७. दीवे य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

द्वीप किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

६८. जरामरणवेगेणं, वुज्झमाणाण पाणिणं।

धम्मो दीवो पइट्ठा य, गई सरणुत्तमं।।

जरा और मृत्यु के वेग से बहते हुए प्राणियों के लिए धर्म द्वीप, प्रतिष्ठा, गति और उत्तम शरण है।

६९. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा?।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

७०. अण्णवंसि महोहंसि, नावा विपरिधावई।

जंसि गोयममारूढो, कहं पारं गमिस्ससि?।।

महा-प्रवाह वाले समुद्र में नौका तीव्र गति से चली जा रही है। गौतम! तुम उसमें आरूढ़ हो। उस पार कैसे पहुंच पाओगे?

७१. जा उ अस्साविणी नावा, न सा पारस्स गामिणी।

जा निरस्साविणी नावा, सा उ पारस्स गामिणी।।

जो छेद वाली नौका होती है, वह उस पार नहीं जा पाती। किन्तु जो नौका छेद वाली नहीं होती, वह उस पार चली जाती है।

७२. नावा य इइ का वुत्ता?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

नौका किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

७३. सरीरमाहु नाव त्ति, जीवो वुच्चइ नाविओ।

संसारो अण्णवो वुत्तो, जं तरंति महेसिणो।।

शरीर को नौका, जीव को नाविक और संसार को समुद्र कहा गया है। महान्—मोक्ष की एषणा करने वाले इसे तैर जाते हैं।

७४. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

७५. अंधयारे तमे घोरे, चिट्ठंति पाणिणो बहू।

को करिस्सइ उज्जोयं, सव्वलोगंमि पाणिणं?।।

लोगों को अन्ध बनाने वाले घोर तिमिर में बहुत लोग रह रहे हैं। इस समूचे लोक में उन प्राणियों के लिए प्रकाश कौन करेगा?

७६. उग्गओ विमलो भाणू, सव्वलोगप्पभंकरो।

सो करिस्सइ उज्जोयं, सव्वलोगंमि पाणिणं।।

समूचे लोक में प्रकाश करने वाला एक विमल भानु उगा है। वह समूचे लोक में प्राणियों के लिए प्रकाश करेगा।

७७. भाणू य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

भानु किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

७८. उग्गओ खीणसंसारो, सव्वण्णू जिणभक्खरो।

सो करिस्सइ उज्जोयं, सव्वलोयंमि पाणिणं।।

जिसका संसार क्षीण हो चुका है, जो सर्वज्ञ है, वह अर्हत्-रूपी भास्कर समूचे लोक के प्राणियों के लिए प्रकाश करेगा।

७९. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

अन्नो वि संसओ मज्झं, तं मे कहसु गोयमा!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। मुझे एक दूसरा संशय भी है। गौतम! उसके विषय में भी तुम मुझे बतलाओ।

८०. सारीरमाणसे दुक्खे, बज्झमाणाण पाणिणं।

खेमं सिवमणाबाहं, ठाणं किं मन्नसी? मुणी!।।

मुने! तुम शारीरिक और मानसिक दु:खों से पीड़ित होते हुए प्राणियों के लिए क्षेम, शिव और अनाबाध स्थान किसे मानते हो?

८१. अत्थि एगं धुवं ठाणं, लोगग्गंमि दुरारुहं।

जत्थ नत्थि जरा मच्चू, वाहिणो वेयणा तहा।।

लोक के शिखर में एक वैसा शाश्‍वत स्थान है, जहां पहुंच पाना बहुत कठिन है और जहां नहीं है—जरा, मृत्यु, व्याधि और वेदना।

८२. ठाणे य इइ के वुत्ते?, केसी गोयममब्बवी।

केसिमेवं बुवंतं तु, गोयमो इणमब्बवी।।

स्थान किसे कहा गया है?—केशी ने गौतम से कहा। केशी के कहते-कहते ही गौतम इस प्रकार बोले—

८३. निव्वाणं ति अबाहं ति, सिद्धी लोगग्गमेव य।

खेमं सिवं अणाबाहं, जं चरंति महेसिणो।।

जो निर्वाण है, जो अबाध, सिद्धि, लोकाग्र, क्षेम, शिव और अनाबाध है, जिसे महान् की एषणा करने वाले प्राप्त करते है२९—

८४. तं ठाणं सासयं वासं, लोगग्गंमि दुरारुहं।

जं संपत्ता न सोयंति, भवोहंतकरा मुणी।।

भव-प्रवाह का अन्त करने वाले मुनि जिसे प्राप्त कर शोक से मुक्त हो जाते हैं, जो लोक के शिखर में शाश्‍वत-रूप से अवस्थित है, जहां पहुंच पाना कठिन है, उसे मैं स्थान कहता हूं।

८५. साहु गोयम! पण्णा ते, छिन्नो मे संसओ इमो।

नमो ते संसयाईय!, सव्वसुत्तमहोयही!।।

गौतम! उत्तम है तुम्हारी प्रज्ञा। तुमने मेरे इस संशय को दूर किया है। हे संशयातीत! हे सर्वसूत्र महोदधि! मैं तुम्हें नमस्कार करता हूं।

८६. एवं तु संसए छिन्ने, केसी घोरपरक्कमे।

अभिवंदित्ता सिरसा, गोयमं तु महायसं।।

इस प्रकार संशय दूर होने पर घोर पराक्रम वाले केशी महान् यशस्वी गौतम का शिर से अभिवन्दन कर—

८७. पंचमहव्वयधम्मं, पडिवज्जइ भावओ।

पुरिमस्स पच्छिमंमी, मग्गे तत्थ सुहावहे।।

केशी स्वामी ने गौतम के पास भावपूर्वक पंच महाव्रत धर्म को स्वीकार किया। वे पूर्वमार्ग—भगवान् पार्श्‍व की परम्परा से पश्‍चिममार्ग—भगवान् महावीर की सुखावह परम्परा में प्रविष्ट हो गए।३०

८८. केसीगोयमओ निच्चं, तम्मि आसि समागमे।

सुयसीलसमुक्करिसो, महत्थत्थविणिच्छओ।।

उस उद्यान में होने वाला केशी और गौतम का सतत मिलन श्रुत और शील का उत्कर्ष करने वाला और महान् प्रयोजन वाले अर्थों का विनिश्‍चय करने वाला था।

८९. तोसिया परिसा सव्वा, सम्मग्गं समुवट्ठिया

संथुया ते पसीयंतु, भयवं केसिगोयमे।।

जिनकी गति-विधि से परिषद् को सन्तोष हुआ और वह सन्मार्ग पर उपस्थित हुई, वे परिषद् द्वारा प्रशंसित भगवान् केशी और गौतम प्रसन्न हों।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २३ : केशि गौतमीय

१. पार्श्‍व (पासे)

आचार्य नेमिचंद्र ने सुखबोधावृत्ति में तीर्थंकर पार्श्‍व का जीवनवृत्त प्रस्तुत किया है। देखें—सुखबोधावृत्ति, पत्र २८५-२९५।

देखें—सुखबोधावृत्ति, पत्र २८५-२९५।

२. कुमार-श्रमण (कुमारसमणे)

कुमार शब्द का सम्बन्ध 'कुमार श्रमण' और 'केशीकुमार'—इस प्रकार दोनों रूपों में किया जा सकता है। शान्त्याचार्य ने प्रथम रूप मान्य किया है। कुमारश्रमण केशी का एक विशेषण है। वे अविवाहित थे, इसलिए 'कुमार' कहलाते थे और वे तपस्या करते थे, इसलिए वे 'श्रमण' कहलाते थे। यह वृत्ति का अभिमत है।

३. नगर के पार्श्‍व में (नगरमंडले)

नगरमंडल का अर्थ है—नगर के परकोटे का परिसर।

४. आत्मलीन (अल्लीणा)

चूर्णि और वृत्ति में आलीन का अर्थ—मन, वचन और काया की गुप्ति से गुप्त किया है। दशवैकालिक में 'अल्लीण' (सं. आलीन) का अर्थ थोड़ा लीन किया है। तात्पर्य की भाषा में जो गुरु के न अति-दूर और न अति-निकट बैठता है, उसे 'आलीन' कहा जाता है।

५. मन की समाधि से सम्पन्न थे (सुसमाहिया)

समाधि का अर्थ है—चित्त का स्वास्थ्य। उसके तीन प्रकार हैं—ज्ञान समाधि, दर्शन समाधि और चारित्र समाधि। ये तीनों मानसिक समाधि के हेतु हैं।

६. तर्क (चिंता)

चिन्ता शब्द के अनेक अर्थ होते हैं। यहां इसका प्रयोग तर्क के अर्थ में हुआ है। तत्त्वार्थ की वृत्ति में चिन्ता का अर्थ तर्क किया गया है।

७. आचार-धर्म की व्यवस्था (आयारधम्मपणिही)

यहां 'आचार' का अर्थ है—वेष-धारण आदि बाह्य क्रिया-कलाप और प्रणिधि का अर्थ है—व्यवस्थापन। इसका समग्र अर्थ है—बाह्य क्रिया-कलापरूप धर्म का व्यवस्थापन। बाह्य क्रिया-कलापों को धर्म इसलिए कहा है कि वे भी आत्मिक-विकास के हेतु बनते हैं।

८. चातुर्याम धर्म....पंचशिक्षात्मक धर्म (चाउज्जामो... पंचसिक्खिओ)

पहले और अंतिम तीर्थंकर के अतिरिक्त शेष बावीस तीर्थंकरों के शासन में चातुर्याम धर्म की व्यवस्था होती है। दूसरे शब्दों में चार महाव्रतात्मक धर्म हैं—

१. सर्व प्राणातिपात विरति।

२. सर्व मृषावाद विरति।

३. सर्व अदत्तादान विरति।

४. सर्व बाह्य-आदान विरति।

देखें—ठाणं ४।१३६।

'पंचसिक्खिओ'—यह पांच महाव्रतों का सूचक शब्द है। पांच महाव्रतों के नाम इसी आगम के २१।१२ में उपलब्ध है।

९. (श्‍लोक १२)

मिलाएं—ठाणं ४।१३६-१३७।

१०. अचेलक है (अचेलगो)

इसके दो अर्थ हैं—

(१) साधना का वह प्रकार जिसमें वस्त्र नहीं रखे जाते।

(२) साधना का वह प्रकार जिसमें श्‍वेत और अल्प-मूल्य वाले वस्त्र रखे जाते हैं।

यहां अचेलक शब्द के द्वारा इन दोनों अर्थों की सूचना दी गई है।

११. (संतरुत्तरो)

शान्त्याचार्य ने 'अंतर' का अर्थ विशेषित (विशेषता युक्त) और 'उत्तर' का अर्थ प्रधान किया है। दोनों की तुलना में इसका अर्थ यह होता है कि भगवान् महावीर ने अचेल या कुचेल (केवल श्‍वेत और अल्प-मूल्य वस्त्र वाले) धर्म का निरूपण किया और भगवान् पार्श्‍वनाथ ने प्रमाण और वर्ण की विशेषता से विशिष्ट तथा मूल्यवान् वस्त्र वाले धर्म का अर्थात् सचेल धर्म का निरूपण किया।

आचारांग (१।८।५१) तथा कल्पसूत्र (सू० २५४) में 'संतरुत्तर' शब्द मिलता है। शीलांकसूरि ने आचारांग के 'संतरुत्तर' शब्द का अर्थ इस प्रकार किया है—उत्तर अर्थात् प्रावरणीय, सांतर अर्थात् भिन्न-भिन्न समयों में। मुनि अपनी आत्मा को तोलने के लिए सांतरोत्तर भी होता है। वह वस्त्र को क्‍वचित् काम में लेता है, क्‍वचित् पास में रखता है और सर्दी की आशंका से उसका विसर्जन नहीं करता।

कल्पसूत्र के चूर्णिकार और टिप्पणकार ने 'अन्तर' शब्द के तीन अर्थ किए हैं—(१) सूती वस्त्र, (२) रजोहरण और (३) पात्र। उन्होंने उत्तर शब्द के दो अर्थ किए हैं—(१) कम्बल और (२) ऊपर ओढ़ने का वस्त्र—उत्तरीय। वहां प्रकरण प्राप्त अर्थ यह है कि भीतर सूती कपड़ा और ऊपर ऊनी कपड़ा ओढ़कर भिक्षा के लिए जाए। शान्त्याचार्य ने जो अर्थ किया है वह कुचेल शब्द की तुलना में संगत हो सकता है किन्तु अचेल के साथ उसकी पूरी संगति नहीं बैठती। वर्षा के समय भीतर सूती कपड़ा और उसके ऊपर ऊनी कपड़ा ओढ़कर बाहर जाने की परम्परा रही है। शान्त्याचार्य ने भी ३०वें श्‍लोक में लिंग शब्द का अर्थ वर्षाकल्प आदि रूप—वेष किया है। और ३२वें श्‍लोक के 'नानाविध-विकल्पन' एवं 'यात्रार्थ' की व्याख्या में भी इसका उल्लेख किया है। यहां अचेल और सचेल का वर्णन है इसलिए अन्तर का अर्थ अंतरीय—अधोवस्त्र और उत्तर का अर्थ उत्तरीय—ऊपर का वस्त्र भी किया जा सकता है।

इस प्रकार सांतरोत्तर के तीन अर्थ प्राप्त होते हैं—

(१) उत्तराध्ययन बृहद्वृत्ति—श्‍वेत और अल्प मूल्य वस्त्र का निरूपण करने वाला धर्म।

(२) आचारांग वृत्ति—वस्त्र को क्‍वचित् ओढ़ने वाला क्‍वचित् अपने पास में रखने वाला।

(३) कल्पसूत्र चूर्णि और टिप्पण—सूती वस्त्र को भीतर और ऊनी को ऊपर ओढ़कर भिक्षा के लिए जाने वाला।

ये तीनों अर्थ भिन्न दिशाओं में विकसित हुए हैं।

१२. (पडिरूवण्णू)

प्रतिरूपज्ञ का अर्थ है—विनय के औचित्य को जानने वाला।

१३. (पडिरूवं पडिवत्तिं)

इसका अर्थ है—यथायोग्य आदर अथवा विनय की प्रतिपत्ति।

१४. पांचवीं कुश नाम की घास (पंचमं कुसतणाणि)

यहां पांच प्रकार के तृणों का उल्लेख किया गया है—

(१) शाली—कमल शाली आदि का पलाल।

(२) ब्रीहिक—साठी चावल आदि का पलाल।

(३) कोद्रव—कोद्रव धान्य, कोदो का पलाल।

(४) रालक—कंगु का पलाल।

(५) अरण्य-तृण—श्यामाक आदि।

१५. कुतूहल को ढूंढने वाले (कोउगामिगा)

वृत्तिकार के अनुसार मूलपाठ 'कोउगासिया' है। इसका अर्थ है—कुतूहल को प्रतिपन्न। उन्होंने 'कोउगामिगा' को पाठांतर मानकर इसके दो अर्थ किए हैं—(१) कुतूहल के कारण मृग की भांति अज्ञानी (२) अमित कुतूहल वाले।

दूसरे अर्थ में कौतुक और अमित—इन दो शब्दों का योग स्वीकृत है। हमने 'मृगंगण अन्वेषणे' धातु के आधार पर 'कोउगामिगा' का अर्थ—कौतुक को ढूंढने वाले किया है। इसकी 'कोउगासिया' के साथ अर्थ-संगति होती है।

१६. दूसरे संप्रदायों के....साधु (पासंडा)

'पासंड' शब्द श्रमण सम्प्रदाय के अर्थ में प्रयुक्त होता था। आवश्यक (४) में 'परपासंड पसंसा' और 'परपासंड संथवो'—ये प्रयोग मिलते हैं। उत्तराध्ययन १७।१७ में 'परपासंड' शब्द प्रयुक्त हुआ है। यहां पाषण्ड के साथ 'पर' शब्द है, उससे 'आत्म-पाषण्ड' और 'पर-पाषण्ड'—ये दो प्रकार स्वयं फलित हो जाते हैं।

अशोक अपने बारहवें शिलालेख में कहता है—''देवों का प्रिय प्रियदर्शी राजा सब प्रकार के श्रमणों की (पाषंडियों की), परिव्राजकों की और गृहस्थों की दान-धर्म से तथा अन्य अनेक प्रकारों से पूजा करता है। पर देवों का प्रिय दान और पूजा को उतना महत्त्व नहीं देता जितना सब पाषंडियों की सार-वृद्धि को।'' सार-वृद्धि के अनेक प्रकार हैं। उसका मूल है वाचा-गुप्ति।

उदाहरणार्थ आत्म-पाषण्डि की भरमार न करे ओर पर-पाषण्डि की निन्दा न होने दे। यदि कोई झगड़े का कारण उपस्थित हो भी जाए तो उसे महत्व न दे। 'पर-पाषंड' का मान रखना अनेक प्रकार से उचित है। ऐसा करने से वह 'आत्म-पाषंड' की निश्‍चय से अभिवृद्धि करता है और 'पर-पाषंड' पर भी उपकार करता है।

स्थानांग १०।१३५ में दस धर्मों में चौथा धर्म 'पाषंड-धर्म' है। अभयदेव सूरी ने इसका अर्थ—'पाखंडियों का आचार' किया है। स्थानांग १०।१३६ में दस प्रकार के स्थविर बतलाए गए हैं। उनसे तुलना करने पर पाषंड का अर्थ 'धर्म सम्प्रदाय' होना चाहिए।

ग्रामधर्म—ग्रामस्थविर।

नगरधर्म—नगरस्थविर।

राष्ट्रधर्म—राष्ट्रस्थविर।

पाषंडधर्म—प्रशास्तृस्थविर।

कुलधर्म—कुलस्थविर।

गणधर्म—गणस्थविर।

संघधर्म—संघस्थविर।

श्रुतधर्म—जातिस्थविर।

चारित्रधर्म—श्रुतस्थविर।

अस्तिकायधर्म—पर्यायस्थविर।

संख्याक्रम से प्रशास्तृ-स्थविर चौथा है। इसका अर्थ है—धर्मोपदेशक। दस धर्मों में इसकी संख्याक्रम से पाषंड-धर्म से तुलना होती है, इसलिए इसका अर्थ 'धर्म-सम्प्रदाय' ही होना चाहिए।

शान्त्याचार्य ने यहां और तिरसठवें श्‍लोक की व्याख्या में पाषण्ड का अर्थ 'व्रती' किया है।

मनुस्मृति में पाषण्ड का प्रयोग गर्हित अर्थ में हुआ है। उसका तात्पर्य श्रमण-परम्परा के अर्चित शब्द का अर्थापकर्ष करना ही हो सकता है।

१७. (श्‍लोक २२)

गौतम ने केशी से प्रश्‍न पूछने के लिए कहा। पूछने पर अनुज्ञा पाकर केशी ने गौतम के समक्ष जो प्रश्‍न उपस्थित किए उनका संग्रहण निर्युक्तिकार ने तीन गाथाओं में किया है। वे प्रश्‍न बारह हैं और उनका विषय यह है।—

१. पार्श्‍व ने चातुर्याम की व्यवस्था की और महावीर ने पांच महाव्रतों की। यह भेद क्यों?

२. दोनों परम्पराओं में लिंग—वेश की द्विविधता क्यों?

३. आत्मा, कषाय और इन्द्रियां—इन शत्रुओं का पराजय कैसे?

४. पाश क्या है? उनका उच्छेद कैसे?

५. भवतृष्णा का उन्मूलन कैसे?

६. अग्‍नियां कौनसी हैं? उनका निर्वापण कैसे?

७. मनरूपी दुष्ट अश्‍व का निग्रह कैसे?

८. मार्ग कौन-सा है?

९. इस जल-प्रवाह में द्वीप किसे कहा गया है?

१०. संसाररूपी महासमुद्र का पारगमन कैसे?

११. अंधकार है अज्ञान। उनका विनाश कैसे?

१२. अनाबाध स्थान कौन-सा है?

१८. धर्मतत्त्व (धम्मं तत्तं)

इसका अर्थ है—धर्म का परमार्थ। वृत्ति में 'धम्मं' शब्द के अनुस्वार को अलाक्षणिक मानकर 'धम्मतत्तं' को एक शब्द माना है।

१९. (उज्जुजडा, वंकजडा, उज्जुपन्ना)

उज्जुजडा—ऋजु और जड़। प्रथम तीर्थंकर के साधु 'ऋजु-जड़' होते हैं। वे स्वभावत: ऋजु हैं, किन्तु मति से जड़ होते हैं। अत: उन्हें तत्त्व का बोध कराना अत्यन्त दुष्कर होता है।

वंकजडा—वक्र और जड़। अन्तिम तीर्थंकर के मुनि 'वक्र-जड़' होते हैं। वे स्वभावत: वक्र होते हैं, उनके लिए तत्त्व को समझना और उसका पालन करना अत्यन्त दुष्कर होता है क्योंकि वे अपने ही तर्कजाल में उलझे रहते हैं।

उज्जुपन्ना—ऋजु और प्राज्ञ। मध्यवर्ती बाईस तीर्थंकरों के मुनि 'ऋजु-प्राज्ञ' होते हैं। वे स्वभावत: सरल, सुबोध्य और आचार-प्रवण होते हैं।

प्रस्तुत प्रकरण में ऋजु, वक्र और जड़ का प्रयोग सापेक्ष है। इसमें युगीन मनोदशा का चित्रण है। जड़ के संदर्भ दो हैं—(१) अव्युत्पन्न व्यक्ति को समझाने में कठिनाई होती है, इसलिए उसे जड़ कहा जा सकता है। (२) अतिव्युत्पन्न व्यक्ति अपने तर्कजाल में उलझा रहता है, इसलिए उसे समझाना भी कठिन होता है।

प्राज्ञ ज्ञानी भी होता है और तर्क से परे सत्य है—इसे स्वीकार करने वाला भी होता है। इसलिए वह सुबोध्य होता है।

ऋषभ का काल, मध्यवर्ती तीर्थंकरों का काल और महावीर का काल—इन तीनों काल-संधियों में मनुष्य की जो चिन्तनधारा रही उसका निदर्शन इस सूत्र में उपलब्ध है।

स्थानाङ्ग में इस स्थिति का चित्रण दुर्गम और सुगम शब्द के द्वारा किया गया है। वहां कहा है कि प्रथम तथा अन्तिम तीर्थंकर के शासन में पांच स्थान दुर्गम होते हैं—

(१) धर्म-तत्त्व का आख्यान करना।

(२) तत्त्व का अपेक्षा की दृष्टि से विभाग करना।

(३) तत्त्व का युक्तिपूर्वक निदर्शन करना।

(४) उत्पन्न परीषहों को सहन करना।

(५) धर्म का आचरण करना।

मध्यवर्ती तीर्थङ्करों के शासन में पांच स्थान सुगम होते हैं—

(१) धर्म-तत्त्व का आख्यान करना।

(२) तत्त्व का अपेक्षा दृष्टि से विभाग करना।

(३) तत्त्व का युक्तिपूर्वक निदर्शन करना।

(४) उत्पन्न परीषहों को सहन करना।

(५) धर्म का आचरण करना।

२०. 'मैं साधु हूं' ऐसा ध्यान आते रहना (गहणत्थं)

यह शब्द विशेष विमर्शणीय है। ग्रहण का अर्थ है—ज्ञान। गहणत्थं—अर्थात् ज्ञान के लिए। संयम-यात्रा में चलते-चलते कभी परिस्थितिवश मुनि के मन में उच्चावचभाव आ जाए, चित्त की विप्लुति हो जाए तो उसको यह भान हो कि मैं मुनि हूं, मैनें मुनिवेश धारण किया है।

२१. (श्‍लोक ३३)

प्रस्तुत श्‍लोक में वेश की गौणता का प्रतिपादन किया गया है। व्यवहार नय के अनुसार वेश की उपयोगिता पूर्व श्‍लोक में प्रदर्शित है। निश्‍चय नय के अनुसार मुक्ति का साधन ज्ञान, दर्शन और चारित्र है, वेश नहीं है। वृत्तिकार ने लिखा है—भरत आदि वेश के बिना ही केवली बन गए।

२२. यथाज्ञात उपाय से (जहानायं)

वृत्तिकार ने इसका संस्कृतरूप 'यथान्यायं' देकर इसका अर्थ—यथोक्तनीति का अतिक्रमण किया है। इसका संस्कृतरूप 'यथाज्ञातं' भी हो सकता है। तात्पर्य की दृष्टि से यह अधिक प्रासंगिक है।

छत्तीसवें श्‍लोक में दस को जीतने की बात कही गई है। प्रस्तुत श्‍लोक के अनुसार वे दस ये हैं—एक आत्मा, चार कषाय और पांच इंद्रियां। ये अविजित अवस्था में शत्रु होते हैं। इनको जीतने वाला सब शत्रुओं को जीत लेता है। वृत्तिकार ने आत्मा के दो अर्थ किए हैं—जीव और चित्त। यहां चित्त अर्थ प्रासंगिक है। इसका तात्पर्यार्थ है—निषेधात्मक भाव वाली आत्मा शत्रु होती है।

२३. (श्‍लोक ४०)

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रश्‍न की पृष्ठभूमि यह है कि गृहस्थ गृहवास के पाश से बद्ध रहते हैं और अनेक तपस्वी, परिव्राजक भी आश्रम में निवास करके ही साधना करते हैं। कुमार-श्रमण केशी ने जानना चाहा कि आप 'लघुभूतविहार'—वायु की भांति अप्रतिबद्ध विहार कैसे करते हैं? इस प्रश्‍न के उत्तर में गौतम ने कहा—राग-द्वेष और स्‍नेह—ये पाश हैं। अप्रतिबद्ध विहारी इन पाशों से सहज ही बच जाता है। इस संदर्भ में दशवैकालिक चूलिका का यह श्‍लोक मननीय है—

न पडिन्नवेज्जा सयणासणाइं, सेज्जं निसेज्जं तह भत्तपाणं।

गामे कुले वा नगरे व देसे, ममत्तभावं न कहिं चि कुज्जा।। (चूलिका २।८)

२४. उपायों से (उवायओ)

वृत्ति में उपाय का अर्थ—सद्भूत भावना का अभ्यास किया है। पाश को छिन्न करने के लिए पृथक्-पृथक् भावनाओं का दीर्घकालीन अभ्यास करना होता है। उदाहरणस्वरूप—राग के पाश को छिन्न करने के लिए अन्यत्व भावना का अभ्यास और द्वेष के पाश को छिन्न करने के लिए मैत्री की भावना का अभ्यास आवश्यक है।

२५. विष तुल्य (विसभक्खीणि)

'विसभक्खीणि'—यह विशेषण है। वृत्तिकार ने विशेष्य को गम्य माना है। इसका अर्थ है—वह लता विषतुल्य फलों को उत्पन्न करती है।

२६. जलों में उत्तम जल (वारि जलुत्तमं)

प्रस्तुत चरण में 'वारि' और 'जल'—दोनों शब्दों का प्रयोग है। 'जलुत्तमं' यह वारि का विशेषण है। इसका अर्थ है—जल में उत्तम जल।

२७. साहसिक (साहसिओ)

सूत्रकार के समय में इसका अर्थ 'बिना विचारे काम करने वाला' रहा है। तदन्तर इसके अर्थ का उत्कर्ष हुआ और आज इसका अर्थ 'साहस वाला', 'साहसिक'—किया जाता है।

२८. जो कुप्रवचन के दार्शनिक हैं (कुप्पवयणपासंडी)

प्रवचन शब्द के अनेक अर्थ हैं—शास्त्र, शासन, दर्शन आदि। जो दर्शन एकान्तवादी होता है, उसे कुप्रवचन कहा जाता है।

वृत्तिकार ने 'पासण्डी' का अर्थ व्रती किया है। प्राचीन साहित्य में पाषण्ड का अर्थ—भ्रमण संप्रदाय है। प्रस्तुत प्रसंग में इसका अर्थ किसी एक संप्रदाय या विचारधारा को मानने वाला दार्शनिक किया जा सकता है।

२९. (श्‍लोक ८०-८३)

प्रस्तुत श्‍लोकों के स्थान के तीन विशेषण प्रयुक्त हैं—क्षेम, शिव और अनाबाध। क्षेम और शिव—दोनों शब्द कल्याण के पर्यायवाची हैं। यहां आरोग्य अवस्था के लिए क्षेम और उपद्रव-मुक्त अवस्था के लिए शिव का प्रयोग किया गया है। अनाबाध का अर्थ है—वेदनामुक्त।

वृत्तिकार ने व्याधि के अभाव के साथ क्षेमत्व की, जरा और मरण के अभाव के साथ शिवत्व की और वेदना के अभाव के साथ अनाबाधकत्व की संबंध-योजना की है।

३०. पूर्वमार्ग.....पश्‍चिममार्ग (पुरिमस्स पच्छिमंमी)

अर्हत् पार्श्‍व पूर्ववर्ती हैं और भगवान् महावीर उत्तरवर्ती। इसीलिए पार्श्‍व के मार्ग के लिए 'पुरिम' शब्द और महावीर के मार्ग के लिए 'पच्छिम' शब्द का प्रयोग किया गया है।

वृत्तिकार ने 'पुरिमस्स' का अर्थ आद्य तीर्थंकर ऋषभ और 'पच्छिमंमी' का अर्थ चरम तीर्थंकर महावीर किया है।

♦

चौबीसवां अध्ययन : प्रवचन-माता

24

चौबीसवां अध्ययन : प्रवचन-माता

आमुख

जार्ल सरपेन्टियर के अनुसार सभी आदर्शों में इस अध्ययन का नाम 'समिईयो' है। समवायांग में भी इसका यही नाम है। निर्युक्तिकार ने इसका नाम 'प्रवचन-मात' या 'प्रवचन-माता' माना है।

ईर्या, भाषा, एषणा, आदान-निक्षेप और उत्सर्ग-इन पांच समितियों तथा मनो-गुप्त, वाग्-गुप्ति और काय गुप्ति-इन तीनों गुप्तियों का संयुक्त नाम 'प्रवचन-माता' या 'प्रवचन-मात' है। (श्‍लो. १)

रत्‍नत्रयी (सम्यग्-ज्ञान, सम्यग्-दर्शन और सम्यग्- चारित्र) को भी प्रवचन कहा जाता है। उसकी रक्षा के लिए पांच समितियां और तीन गुप्तियां माता-स्थानीय हैं। अथवा प्रवचन (मुनि) के समस्त चारित्र के उत्पादन, रक्षण और विशोधन के ये आठों अनन्य साधन है अत: इन्हें 'प्रवचन-माता' कहा गया है।

इनमें प्रवचन (गणिपिटक-द्वादशाङ्ग) समा जाता है। इसलिए इन्हें 'प्रवचन-मात' भी कहा जाता है। (श्‍लो. ३)

मन, वाणी और शरीर के गोपन, उत्सर्ग या विसर्जन को गुप्ति और सम्यग् गति, भाषा, आहार की एषणा, उपकरणों का ग्रहण-निक्षेप और मल-मूत्र आदि के उत्सर्ग को समिति कहा जाता है। गुप्ति निवर्तन है और समिति सम्यक् प्रवर्तन। प्रथम श्‍लोक में इनका पृथक-विभाग है किन्तु तीसरे श्‍लोक में इन आठों को समिति भी कहा गया है।

समिति का अर्थ है सम्यक्-प्रवर्तन। सम्यक् और असम्यक् का मापदण्ड अहिंसा है। जो प्रवृत्ति अहिंसा से संवलित है वह समिति है। समितियां पांच हैं—

१. ईर्या समिति—गमनागमन सम्बन्धी अहिंसा का विवेक।

२. भाषा समिति—भाषा सम्बन्धी अहिंसा का विवेक।

३. एषणा समिति—जीवन-निर्वाह के आवश्यक उपकरणों—आहार, वस्त्र आदि के ग्रहण और उपयोग सम्बन्धी अहिंसा का विवेक।

४. आदान समिति—दैनिक व्यवहार में आने वाले पदार्थों के व्यवहरण सम्बन्धी अहिंसा का विवेक।

५. उत्सर्ग समिति—उत्सर्ग सम्बन्धी अहिंसा का विवेक।

इन पांच समितियों का पालन करने वाला मुनि जीवाकुल संसार में रहता हुआ भी पापों से लिप्त नहीं होता।

जिस प्रकार दृढ़ कवचधारी योद्धा बाणों की वर्षा होने पर भी नहीं बींधा जा सकता, उसी प्रकार समितियों का सम्यग् पालन करने वाला मुनि साधु-जीवन के विविध कार्यों में प्रवर्तमान होता हुआ भी पापों से लिप्त नहीं होता।

गुप्ति का अर्थ है निवर्तन। ये तीन प्रकार की है—

१. मनोगुप्ति—असत् चिन्तन से निवर्तन।

२. वचनगुप्ति—असत्

३. कायगुप्ति—असत् प्रवृत्ति से निवर्तन।

जिस प्रकार क्षेत्र की रक्षा के लिए बाड़, नगर की रक्षा के लिए खाई या प्राकार होता है, उसी प्रकार श्रामण्य की सुरक्षा के लिए, पाप के निरोध के लिए गुप्ति है।

महाव्रतों की सुरक्षा के तीन साधन हैं—

१. रात्रि-भोजन की निवृत्ति।

२. आठ प्रवचन-माताओं में

३. भावना (संस्कारापादान—एक ही प्रवृत्ति का पुन:-पुन: अभ्यास।)

इस प्रकार महाव्रतों की परिपालना समिति-गुप्ति-सापेक्ष है। इनके होने पर महाव्रत सुरक्षित रहते हैं और न होने पर असुरक्षित।

यह अध्ययन साधु आचार का प्रथम और अनिवार्य अंग है। कहा गया है कि चौदह पूर्व पढ़ लेने पर भी जो मुनि प्रवचन-माता में निपुण नहीं है, उसका ज्ञान अज्ञान है। जो व्यक्ति कुछ नहीं जानता और प्रवचन-माताओं में निपुण है, सचेत है, वह व्यक्ति स्व-पर के लिए त्राण है।

मुनि क्या खाए?, कैसे बोले?, कैसे चले?, वस्तुओं का व्यवहरण कैसे करे? उत्सर्ग कैसे करे? इसका स्पष्ट विवेचन इस अध्ययन में दिया गया है।

मुनि जब चले तब गमन की क्रिया में उपयुक्त हो जाए, एकतान हो जाए। प्रत्येक चरण पर उसे यह भान रहे कि ''मैं चल रहा हूं।'' वह चलने की स्मृति को क्षण मात्र के लिए भी न भूले। युग-मात्र भूमि को देखकर चले। चलते समय अन्यान्य विषयों का वर्जन करें। (श्‍लो० ६, ७, ८)

मुनि झूठ न बोले। झूठ के आठ कारण हैं-क्रोध,मान, माया, लोभ, हास्य, भय, मौखर्य और विकथा। मुनि इनका वर्जन करे। यह भाषा समिति का विवेक है। (श्‍लो. ९, १०)

मुनि शुद्ध एषणा करे। गवेषणा, ग्रहणैषणा और भोगैषणा के दोषों का वर्जन करे। (श्‍लो. ११, १२)

मुनि को प्रत्येक वस्तु याचित मिलती है। उसका पूर्ण उपयोग करना उसका कर्त्तव्य है। प्रत्येक पदार्थ का व्यवहरण उपयोग-सहित होना चाहिए। वस्तु को लेने या रखने में अहिंसा की दृष्टि होनी चाहिए। (श्‍लो. १३, १४)

मुनि के उत्सर्ग करने की विधि भी बहुत विवेक-पूर्ण होनी चाहिए। ज्यों-त्यों, जहां-कहीं वह उत्सर्ग नहीं कर सकता। जहां लोगों का आवागमन न हो, जहां चूहों आदि के बिल न हों, जो त्रस या स्थावर प्राणियों से युक्त न हो—ऐसे स्थान पर मुनि को उत्सर्ग करना चाहिए। यह विधि अहिंसा की पोषक तो है ही साथ ही सभ्यजन-सम्मत भी है। (श्‍लो. १५-१८)

मानसिक तथा वाचिक संक्लेशों से पूर्णत: निवृत्त होना मनोगुप्ति तथा वचनगुप्ति है।

मनोयोग चार प्रकार का है—

१. सत्य मनोयोग।

२. असत्य मनोयोग।

३. मिश्र मनोयोग।

४. व्यवहार मनोयोग।

वचनयोग चार प्रकार का है—

१. सत्य वचनयोग।

२. असत्य मनोयोग।

३. मिश्र वचनयोग।

४. व्यवहार वचनयोग।

काययोग—स्थान, निषीदन, शयन उल्लंघन, गमन और इन्द्रियों के व्यापार में असत् अंश का वर्जन करना काययोग है, कायगुप्ति है।

सम्पूर्ण दृष्टि से देखा जाए तो यह अध्ययन समूचे साधु-जीवन का उपष्टम्भ है। इसके माध्यम से ही श्रामण्य का शुद्ध परिपालन संभव है। जिस मुनि की प्रवचन-माताओं के पालन में विशुद्धता है उसका समूचा आचार विशुद्ध है। जो इसमें स्खलित होता है वह समूचे आचार से स्खलित होता है।

चउविंसइमं अज्झयणं : पवयण-माया

चौबीसवां अध्ययन : प्रवचन-माता

मूल

१. अट्ठ पवयणमायाओ, समिई गुत्ती तहेव य।

पंचेव य समिईओ, तओ गुत्तीओ आहिया।।

हिन्‍दी अनुवाद

आठ प्रवचन-माताएं१ हैं—समिति और गुप्ति। समितियां पांच और गुप्तियां तीन आख्यात हैं।

२. इरियाभासेसणादाणे, उच्चारे समिई इय।

मणगुत्ती वयगुत्ती, कायगुत्ती य अट्ठमा।।

ईर्या-समिति, भाषा-समिति, एषणा-समिति, आदान- समिति, उच्चार-समिति, मनो-गुप्ति, वचन-गुप्ति और आठवीं काय-गुप्ति है।

३. एयाओ अट्ठ समिईओ, समासेण वियाहिया।

दुवालसंगं जिणक्खायं, मायं जत्थ उ पवयणं।।

ये आठ समितियां२ संक्षेप में कही गई हैं। इनमें जिन-भाषित द्वादशाङ्ग-रूप प्रवचन समाया हुआ है।३

४. आलंबणेण कालेण, मग्गेण जयणाइ य।

चउकारणपरिसुद्धं, संजए इरियं रिए।।

संयमी मुनि आलम्बन, काल, मार्ग और यतना—इन चार कारणों से परिशुद्ध ईर्या (गति) से चले।

५. तत्थ आलंबणं नाणं, दंसणं चरणं तहा।

काले य दिवसे वुत्ते, मग्गे उप्पहवज्जिए।।

उनमें ईर्या का आलम्बन ज्ञान, दर्शन और चारित्र है। उसका काल दिवस है और उत्पथ का वर्जन करना उसका मार्ग है।

६. दव्वओ खेत्तओ चेव, कालओ भावओ तहा।

जयणा चउव्विहा वुत्ता, तं मे कित्तयओ सुण।।

द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव से यतना चार प्रकार की कही गई है। वह मैं कह रहा हूं, सुनो।

७. दव्वओ चक्खुसा पेहे, जुगमित्तं च खेत्तओ।

कालओ जाव रीएज्जा, उवउत्ते य भावओ।।

द्रव्य से—आखों से देखे। क्षेत्र से—युग-मात्र (गाड़ी के जुए जितनी)४ भूमि को देखे। काल से—जब तक चले तब तक देखे। भाव से—उपयुक्त (गमन में दत्तचित्त) रहे।

८. इंदियत्थे विवज्जित्ता, सज्झायं चेव पंचहा।

तम्मुत्ती तप्पुरक्कारे, उवउत्ते इरियं रिए।।

इन्द्रियों के विषयों और पांच प्रकार के स्वाध्याय का वर्जन कर, ईर्या में तन्मय हो, उसे प्रमुख बना उपयोग पूर्वक चले।५

९. कोहे माणे च मायाए, लोभे य उवउत्तया।

हासे भए मोहरिए, विगहासु तहेव च।।

क्रोध, मान, माया, लोभ, हास्य, भय, वाचालता और विकथा के प्रति सावधान रहे—इनका प्रयोग न करे।

१०. एयाइं अट्ठ ठाणाइं, परिवज्जित्तु संजए।

असावज्जं मियं काले, भासं भासेज्ज पन्नवं।।

प्रज्ञावान् मुनि इन आठ स्थानों का वर्जन कर यथा-समय निरवद्य और परिमित वचन बोले।६

११. गवेसणाए गहणे य, परिभोगेसणा य जा।

आहारोवहिसेज्जाए, एए तिन्नि विसोहए।।

आहार, उपधि और शय्या के विषय में गवेषणा, ग्रहणैषणा और परिभोगैषणा—इन तीनों का विशोधन करे।

१२. उग्गमुप्पायणं पढमे, बीए सोहेज्ज एसणं।

परिभोयंमि चउक्कं, विसोहेज्ज जयं जई।।

यतनाशील यति प्रथम एषणा (गवेषणा) में उद्गम और उत्पादन दोनों का शोधन करे। दूसरी एषणा (ग्रहण-एषणा) में एषणा (ग्रहण) सम्बन्धी दोषों का शोधन करे और परिभोगैषणा में दोष-चतुष्क७ (संयोजना, अप्रमाण, अंगार-धूम और कारण) का प्रयेाग करे।

१३. ओहोवहोवग्गहियं, भंडगं दुविहं मुणी।

गिण्हंतो निक्खिवंतो य, पउंजेज्ज इमं विहिं।।

मुनि ओघ-उपधि (सामान्य उपकरण) और औपग्रहिक-उपधि (विशेष उपकरण)८—दोनों प्रकार के उपकरणों को९ लेने और रखने में इस विधि का प्रयोग करे—

१४. चक्खुसा पडिलेहित्ता, पमज्जेज्ज जयं जई।

आइए निक्खिवेज्जा वा, दुहओ वि समिए सया।।

सदा सम्यक्-प्रवृत्त यति दोनों प्रकार के उपकरणों का चक्षु से प्रतिलेखन कर१० तथा रजोहरण आदि से प्रमार्जन कर संयमपूर्वक उन्हें ले और रखें।

१५. उच्चारं पासवणं, खेलं सिंघाणजल्लियं।

आहारं उवहिं देहं, अन्नं वावि तहाविहं।।

उच्चार, प्रस्रवण, श्‍लेष्म, नाक का मैल, मैल, आहार, उपधि, शरीर या उसी प्रकार की दूसरी कोई उत्सर्ग करने योग्य वस्तु का उपयुक्त स्थण्डिल में उत्सर्ग करे।

१६. अणावायमसंलोए, अणावाए चेव होइ संलोए।

आवायमसंलोए, आवाए चेय संलोए।।

स्थण्डिल चार प्रकार के होते हैं—

१. अनापात-असंलोक—जहां लोगों का आवागमन न हो, वे दूर से भी न दीखते हों।

२. अनापात-संलोक—जहां लोगों का आवागमन न हो, वे दूर से दीखते हों।

३. आपात-असंलोक—जहां लोगों का आवागमन हो, किन्तु वे दूर से न दीखते हों।

४. आपात-संलोक—जहां लोगों का आवागमन भी हो और वे दूर से दीखते भी हों।

१७. अणावायमसंलोए, परस्सणुवघाइए।

समे अज्झुसिरे यावि, अचिरकालकयंमि य।

जो स्थण्डिल अनापात-असंलोक, पर के लिए अनुपघातकारी, सम, अशुषिर (पोल या दरार रहित) कुछ समय पहले ही निर्जीव बना हुआ—

१८. वित्थिण्णे दूरमोगाढे, नासन्ने बिलवज्जिए।

तसपाणबीयरहिए, उच्चाराईणि वोसिरे।।

कम से कम एक हाथ विस्तृत तथा नीचे से चार अंगुल की निर्जीव परत वाला, गांव आदि से दूर, बिल रहित और त्रस प्राणी तथा बीजों से रहित हो—उसमें उच्चार आदि का उत्सर्ग करे।११

१९. एयाओ पंच समिईओ, समासेण वियाहिया।

एत्तो य तओ गुत्तीओ, वोच्छामि अणुपुव्वसो।।

ये पांच समितियां संक्षेप में कही गई हैं। यहां से क्रमश: तीन गुप्तियां कहूंगा।

२०. सच्चा तहेव मोसा य, सच्चामोसा तहेव य।

चउत्थी असच्चमोसा, मणगुत्ती चउव्विहा।।

सत्या, मृषा, सत्यामृषा और चौथी असत्यामृषा—इस प्रकार मनो-गुप्ति के चार प्रकार हैं।

२१. संरंभसमारंभे, आरंभे य तहेव य।

मणं पवत्तमाणं तु, नियत्तेज्ज जयं जई।।

यति संरम्भ, समारम्भ और आरम्भ में प्रवर्तमान मन का संयमपूर्वक निवर्तन करे।

२२. सच्चा तहेव मोसा य, सच्चामोसा तहेव य।

चउत्थी असच्चमोसा, वइगुत्ती चउव्विहा।।

सत्या, मृषा, सत्यामृषा और चौथी असत्यामृषा—इस प्रकार वचन-गुप्ति के चार प्रकार हैं।

२३. संरंभसमारंभे, आरंभे य तहेव य।

वयं पवत्तमाणं तु, नियत्तेज्ज जयं जई।।

यति संरम्भ, समारम्भ और आरम्भ में प्रवर्तमान वचन का संयमपूर्वक निवर्तन करे।

२४. ठाणे निसीयणे चेव, तहेव य तुयट्टणे।

उल्लंघणपल्लंघणे, इंदियाण य जुंजणे।।

खड़ा होने, बैठने, लेटने, उल्लंघन-प्रलंघन करने और इन्द्रियों के व्यापार में—

२५. संरंभसमारंभे, आरंभम्मि तहेव य।

कायं पवत्तमाणं तु, नियत्तेज्ज जयं जई।।

यति संरम्भ, समारम्भ और आरम्भ में प्रवर्तमान काया का संयमपूर्वक निवर्तन करे।१२

२६. एयाओ पंच समिईओ, चरणस्स य पवत्तणे।

गुत्ती नियत्तणे वुत्ता, असुभत्थेसु सव्वसो।।

ये पांच समितियां चारित्र की प्रवृत्ति के लिए हैं और तीन गुप्तियां सब अशुभ विषयों से निवृत्ति करने लिए हैं।१३

२७. एया पवयणमाया, जे सम्मं आयरे मुणी।

से खिप्पं सव्वसंसारा, विप्पमुच्चइ पंडिए।।

जो पण्डित मुनि इन प्रवचन-माताओं का सम्यक् आचरण करता है, वह शीघ्र ही भव-परंपरा से मुक्त हो जाता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २४ : प्रवचन-माता

१. आठ प्रवचन-माताएं (अट्ठ पवयणमायाओ)

'मायाओ' शब्द के 'माता' और 'मातर:' ये—दो संस्कृत रूप किए जा सकते हैं। पांच समितियों और तीन गुप्तियों—इन आठों में सारा प्रवचन समा जाता है, इसलिए इन्हें 'प्रवचन-माता' कहा जाता है। इन आठों से प्रवचन का प्रसव होता है, इसलिए इन्हें 'प्रवचन-माता' कहा जाता है। पहले में 'समाने' का अर्थ है दूसरे में 'मां' का। इसी अध्ययन के तीसरे श्‍लोक में 'समाने' के अर्थ में प्रयोग है। 'मां' का अर्थ वृत्ति में ही मिलता है।

भगवती आराधना के अनुसार समिति और गुप्ति ज्ञान, दर्शन और चारित्र की वैसी ही रक्षा करती है जैसे माता अपने पुत्र की। इसलिए समिति-गुप्ति को माता कहा गया है।

२. आठ समितियां (अट्ठ समिईओ)

प्रस्तुत श्‍लोक में 'समितियां' आठ बतलाई गई हैं। प्रश्‍न होता है कि समितियां पांच ही है तो यहां आठ का कथन क्यों?

टीकाकार ने इसका समाधान करते हुए कहा है कि 'गुप्तियां' केवल निवृत्त्यात्मक ही नहीं होती, किन्तु प्रवृत्त्यात्मक भी होती हैं। इसी अपेक्षा से उन्हें समिति कहा गया है। जो समित होता है वह नियमत: गुप्त होता है और जो गुप्त होता है वह समित होता भी है और नहीं भी।

३. (दुवालसंगं....मायं जत्थ उ पवयणं)

आठ प्रवचन माताओं में जिनभाषित द्वादशांगी समाई हुई है। वृत्तिकार ने इनकी संगति इस प्रकार की है—

(क) ईर्या समिति में प्राणातिपातविरमण व्रत का अवतरण होता है। शेष सारे व्रत उसकी रक्षा के लिए है। इसलिए उनका भी इसमें अन्तर्भाव हो जाता है।

(ख)भाषा समिति में सावद्यवचन का परिहार होता है। वह निवरद्यवचन रूप होती है। इसमें सारा वचनात्मकश्रुत गृहीत हो जाता है। द्वादशांग प्रवचन उससे बहिर्भूत नहीं है।

वृत्तिकार ने वैकल्पिक रूप से यह भी माना है कि पांच समितियां और तीन गुप्तियां चारित्र रूप हैं। ज्ञान, दर्शन और चारित्र का अविनाभावी संबंध है। इन तीनों के अतिरिक्त द्वादशांगी कुछ है नहीं। इसलिए इन आठों में सारा प्रवचन समाया हुआ है।

४. युग-मात्र (गाड़ी के जुए जितनी) (जुगमित्तं)

'युग' का अर्थ है शरीर या गाड़ी का जुआ। चलते समय साधु की दृष्टि युग-मात्र होनी चाहिए अर्थात् शरीर या गाड़ी के जुए जितनी लम्बी होनी चाहिए। जुआ जैसे प्रारंभ में संकड़ा और आगे से विस्तृत होता है वैसे ही साधु की दृष्टि होनी चाहिए। युग-मात्र का दूसरा अर्थ है 'चार हाथ प्रमाण'। इसका तात्पर्य है कि मुनि चार हाथ प्रमाण भूमि को देखता हुआ चले। विशुद्धिमार्ग में भी भिक्षु को युगमात्रदर्शी कहा है—''इसलिए लोलुप स्वभाव को त्याग, आंखें नीची किए, युगमात्रदर्शी—चार हाथ तक देखनेवाला हो। धीर (भिक्षु) संसार में इच्छानुरूप विचरने का इच्छुक सपदानचारी बने।'' आयुर्वेद के ग्रन्थों में भी युगमात्र भूमि को देखकर चलने का विधान है। मिलाइए— दसवेआलियं, ५/१/३ का टिप्पण।

कहीं-कहीं 'युग' के स्थान पर 'कुक्कुट के उड़ान की दूरी जितनी भूमि पर दृष्टि डालकर चलने' की बात मिलती है। इस प्रकार चलने वाले भिक्षु 'कौक्केटिक' कहलाते हैं।

५. (श्‍लोक ८)

प्रस्तुत श्‍लोक में गमनयोग का निर्देश है। चलते समय भी ध्यान किया जा सकता है। ध्यान का लक्षण है उपयुक्त होना—लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त, दत्तचित्त अथवा समर्पित होना। उपयुक्त अवस्था में व्यक्ति अपने लक्ष्य के साथ तन्मूर्ति—तन्मय हो जाता है। गमनयोग के समय गमन करने वाला और गति दो नहीं रहते। गमन करने वाला स्वयं गति बन जाता है। उपयुक्त अवस्था में केवल लक्ष्य ही सामने रहता है, शेष विषय गौण हो जाते हैं। इन दोनों अर्थों का बोध कराने के लिए तम्मुत्ति और तप्पुरक्कार—इन दो विशेषणों का प्रयोग किया गया है।

वृत्तिकार ने मूर्ति का अर्थ शरीर किया है। उनके अनुसार शरीर और मन—दोनों गमन के प्रति तत्पर हो जाते हैं और उस समय वचन का व्यापार भी नहीं होता।

बौद्ध की भाषा में इसे 'स्मृति-प्रस्थान' कहा जा सकता है।

६. (श्‍लोक ९-१०)

प्रस्तुत दो श्‍लोकों में वाणी का विवेक बतलाया गया है। चूर्णिकार ने कहा है—पहले देखो, समीक्षा करो, फिर वाणी का प्रयोग करो। समीक्षापूर्वक बोलना ही वाणी का विवेक है—

'पुव्वं बुद्धीए पासेत्ता, पच्छा वक्कमुदाहरे।' क्रोध आदि आठ कारणों से वाणी का विवेक विनष्ट हो जाता है। वे आठ कारण ये हैं—

१. क्रोध—क्रोध के आवेश में व्यक्ति झूठ बोल देता है—पिता अपने पुत्र से कह देता है—तू मेरा पुत्र नहीं है।

२. मान—मान के आवेश में व्यक्ति झूठ बोल देता है—वह कहता है—जाति, ऐश्‍वर्य आदि में मेरी बराबरी करने वाला कोई नहीं है।

३. माया—माया के आवेश में व्यक्ति अपरिचित स्थान में दूसरों को संशय में डालने के लिए झूठ बोल देता है—वह कह देता है—न यह मेरा पुत्र है और न मैं इसका पिता हूं।

४. लोभ—लोभ के आवेश में व्यक्ति दूसरों की वस्तुओं को अपनी बताने लगता है।

५. हास्य— हास्य के वशीभूत होकर व्यक्ति मजाक-मजाक में कुलीन व्यक्ति को भी अकुलीन बता देता है।

६. भय—भय से वशीभूत होकर व्यक्ति अपने द्वारा आचरित अनाचार के विषय में पूछे जाने पर कहता है—मैं उस समय वहां था ही नहीं।

७. मौखर्य—वाचालता के वशीभूत होकर व्यक्ति दूसरों की निन्दा में मशगूल हो जाता है।

८. विकथा—विकथा में लीन व्यक्ति स्त्रियों के सौन्दर्य, लावण्य, कटाक्ष आदि की प्रशंसा करने लग जाता है।

स्थानांग १०/९० में झूठ बोलने के दस कारणों का निर्देश है। उनमें प्रेयस्-निश्रित, द्वेष-निश्रित और उपघात-निश्रित—ये तीन अधिक है। मौखर्य का वहां उल्लेख नहीं है।

७. परिभोगैषणा में दोष-चतुष्क (परिभोयंमि चउक्कं)

इस चरण में यह बताया गया है कि मुनि परिभोग-एषणा में चार वस्तुओं—(१) पिंड (२) शय्या—वसति (३) वस्त्र (४) पात्र का विशोधन करे।

दशवैकालिक (६/४७) में अकल्पनीय पिंड आदि चारों को लेने का निषेध किया गया है। प्रकारान्तर से चतुष्क के द्वारा संयोजना आदि दोषों का ग्रहण किया गया है। यद्यपि भोजन के संयोजन, अप्रमाण, अंगार, धूम, कारण आदि पांच दोष हैं, फिर भी शान्त्याचार्य ने अंगार और धूम दोनों को एक-कोटिक मान यहां इनकी संख्या चार मानी है।

८. (ओहोवहोवग्गहियं)

उपधि दो प्रकार के होते हैं—ओघ उपधि और औपग्रहिक उपधि।

जो स्थायी रूप से अपने पास रखा जाता है उसे 'ओघ-उपधि' और जो विशेष कारणवश रखा जाता है उसे 'औपग्रहिक-उपधि' कहा जाता है। जिनकल्पिक मुनियों के बारह, स्थविरकल्पिक मुनियों के चौदह और साध्वियों के पच्चीस ओघ-उपधि होते हैं। इससे अधिक उपधि रखे जाते हैं, वे सब औपग्रहिक होते हैं।

९. उपकरणों को (भंडगं)

इसका अर्थ है— उपकरण। ओघनिर्युक्ति के अनुसार उपधि, उपग्रह, संग्रह, प्रग्रह, अवग्रह, भंडक, उपकरण और करण— ये सब पर्यायवाची हैं।

१०. प्रतिलेखन कर (पडिलेहित्ता)

यह सामयिक शब्द है। इसका अर्थ है—सूक्ष्मता से निरीक्षण करना। सामान्यत: यह वस्त्र, पात्र भूमि आदि के निरीक्षण के लिए प्रयुक्त होता है।

११. (श्‍लोक १६-१८)

इन श्‍लोकों में परिष्ठापन विधि का समुचित निर्देश हुआ है। मुनि कहां और कैसे परिष्ठापन करे, इसकी विधि बतलाते हुए कहा है कि गांव और उद्यानों से दूरवर्ती स्थानों में तथा कुछ समय पूर्व दग्ध स्थानों में मल आदि का विसर्जन करे। क्योंकि स्वल्पकाल पूर्व के दग्ध-स्थान ही सर्वथा अचित्त (जीव-रहित) होते हैं। जो चिरकाल दग्ध होते हैं, वहां पृथ्वीकाय आदि के जीव पुन: उत्पन्न हो जाते हैं।

पन्द्रह कर्मादानों में 'दव-दाह' एक प्रकार है। यह दो प्रकार का होता है—

(१) व्यसन से— फल की अपेक्षा किये बिना ही वनों को अग्‍नि से जला डालना।

(२) पुण्य-बुद्धि से— कोई व्यक्ति मरते समय यह कहकर मरे की मेरे मरने के बाद इतने धर्म-दीपोत्सव अवश्य करना। ऐसी स्थिति में भी वन आदि जलाये जाते हैं। अथवा धान्य आदि की समृद्धि के लिए खेतों में उगे हुए तृण आदि जलाये जाते थे।

उपर्युक्त प्रवृत्तियां उस समय प्रचलित थीं अत: मुनियों को दग्ध-स्थान सहज मिल जाते थे।

१२. (श्‍लोक २०-२५)

प्रस्तुत प्रकरण में मानसिक, वाचिक और कायिक अहिंसा का सुन्दर चित्रण किया गया है। मनोगुप्ति मानसिक अहिंसा का, वचनगुप्ति वाचिक अहिंसा का और कायगुप्ति कायिक अहिंसा का प्रायोगिक रूप है। संरंभ, समारंभ और आरम्भ—ये मानसिक, वाचिक और कायिक हिंसा के तीन-तीन रूप हैं। असंरंभ, असमारंभ और अनारम्भ—ये मानसिक, वाचिक और कायिक अहिंसा के तीन-तीन रूप हैं।

तत्त्वार्थ ६/९ में मन, वचन और काया—इन तीन योगों के सन्दर्भ में संरम्भ, समारम्भ और आरम्भ की चर्चा है। तत्त्वार्थभाष्य के अनुसार कषाययुक्त प्रवृत्ति संरम्भ, परितापनायुक्त प्रवृत्ति समारम्भ और प्राणव्यपरोपणयुक्त प्रवृत्ति आरम्भ है।

बृहद्वृत्तिकार ने मानसिक, वाचिक और कायिक हिंसा के सन्दर्भ में संरम्भ, समारम्भ और आरम्भ को इस प्रकार समझाया है—

१. मानसिक हिंसा३—

संरंभ— किसी की मृत्यु का मानसिक संकल्प।

समारंभ— पर-पीड़ाकारक उच्चाटन आदि का हेतुभूत चिन्तन।

आरम्भ— अत्यन्त क्लेश के कारण दूसरे के प्राणों का अपहरण करने में समर्थ अशुभ ध्यान।

२. वाचिक हिंसा—

संरंभ—दूसरों को मारने में क्षम क्षुद्रविद्याओं का जाप करने वाली संकल्प सूचक ध्वनि।

समारम्भ—पर पीड़ाकारक मंत्रों को परावर्तन।

आरंभ—दूसरों के प्राणव्यपरोपण करने में समर्थ मन्त्र आदि का जाप करना।

३. कायिक हिंसा—

संरंभ— प्रहार करने की दृष्टि से लाठी, मुष्टि आदि उठाना।

समारंभ— दूसरों के लिए पीड़ाकारक मुष्टि आदि का अभिघात।

आरम्भ— प्राणि-वध में शरीर की प्रवृत्ति।

चूर्णिकार ने एक प्राचीन श्‍लोक उद्धृत किया है६—

संकल्प: संरम्भ:, परितापकरो भवेत् समारम्भ:।

आरम्भ: व्यापत्तिकर:, शुद्धनयानां तु सर्वेषाम्।।

१३. (श्‍लोक २६)

प्रस्तुत श्‍लोक के प्रसंग में वृत्तिकार ने गुप्ति के विषय में आचार्य गन्धहस्ती का मत प्रस्तुत करते हुए लिखा है—राग-द्वेष रहित मन की प्रवृत्ति, काया की प्रवृत्ति और वाणी की प्रवृत्ति गुप्ति है। उसका दूसरा अर्थ है— मन, वाणी और काया की निर्व्यापार या प्रवृत्तिशून्य अवस्था—किया है।

जीवन यात्रा के लिए प्रवृत्ति अपेक्षित होती है और अशुभ से बचने के लिए निवृत्ति अपेक्षित होती है। मुनि के जीवन में प्रवृत्ति और निवृत्ति का सन्तुलन होता है। सूत्रकार ने प्रस्तुत श्‍लोक में इस सन्तुलन का प्रतिपादन किया है।

♦

पचीसवां अध्ययन : यज्ञीय

25

पचीसवां अध्ययन : यज्ञीय

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'जण्णइज्जं'—'यज्ञीय' है। इसका मुख्य विवक्षित विषय 'यज्ञ' है। यज्ञ शब्द का अर्थ देव-पूजा है। जीव-वध आदि बाह्य अनुष्ठान के द्वारा किए जाने वाले यज्ञ को जैन परम्परा में द्रव्य (अवास्तविक) यज्ञ कहा है। वास्तविक यज्ञ भाव-यज्ञ होता है। उसका अर्थ है—तप और संयम में यतना—अनुष्ठान करना।

प्रसंगवश इस अध्ययन में (१९वें श्‍लोक से ३२वें श्‍लोक तक) ब्राह्मण के मुख्य गुणों का उल्लेख हुआ है।

वाराणसी नगरी में जयघोष और विजयघोष के दो ब्राह्मण रहते थे। वे काश्यप-गोत्रीय थे। वे पूजन-याजन, अध्ययन-अध्यापन, दान और प्रतिग्रह—इन छह कर्मों में रत और चार वेदों के अध्येता थे। वे दोनों युगल रूप में जन्मे हुए थे। एक बार जयघोष स्‍नान करने नदी पर गया हुआ था। उसने देखा कि एक सर्प मेंढक को निगल रहा है। इतने में एक कुरर पक्षी वहां आया और सर्प को पकड़ कर खाने लगा। मरणकाल आसन्न होने पर भी सर्प मण्डूक को खाने में रत था और इधर कम्पायमान सर्प को खाने में कुरर आसक्त था। इस दृश्य को देख जयघोष उद्विग्‍न हो उठा। एक दूसरे के उपघात को देख कर उसका मन वैराग्य से भर गया। वह प्रतिबुद्ध हो गया। गंगा को पार कर श्रमणों के पास पहुंचा। अपने उद्वेग को समाधान पा श्रमण हो गया।

एक बार मुनि जयघोष 'एक-रात्रिकी' प्रतिमा को स्वीकार कर ग्रामानुग्राम विहार करते हुए वाराणसी आए। बहिर्भाग में एक उद्यान में ठहरे। आज उनके एक महीने की तपस्या का पारणा था। वे भिक्षा लेने नगर में गए। उसी दिन ब्राह्मण विजयघोष ने यज्ञ प्रारम्भ किया था। दूर-दूर से ब्राह्मण बुलाए गए थे। उनके लिए विविध भोजन-सामग्री तैयार की गई थी। मुनि जयघोष भिक्षा लेने यज्ञ-वाट में पहुंचे। भिक्षा की याचना की। प्रमुख याजक विजयघोष से कहा—'मुने! मैं तुम्हें भिक्षा नहीं दूंगा। तुम कहीं अन्यत्र चले जाओ। जो ब्राह्मण वेदों को जानते हैं, जो यज्ञ आदि करते हैं, जो शिक्षा, कल्प, व्याकरण, निरुक्त, छंद और ज्योतिष—वेद के इन छह अंगों के पारगामी हैं तथा जो अपनी और दूसरों की आत्मा का उद्धार करने में समर्थ है—उन्हीं को यह प्रणीत अन्न दिया जाएगा, तुम जैसे व्यक्तियों को नहीं। (श्‍लो. ६, ७, ८)

मुनि जयघोष ने यह बात सुनी। प्रतिषिद्ध किए जाने पर रुष्ट नहीं हुए। समभाव का आचरण करते हुए स्थिर-चित्त हो, भोजन पाने के लिए नहीं किन्तु याजकों को सही ज्ञान कराने के लिए कई तथ्य प्रकट किए। ब्राह्मणों के लक्षण बताए। मुनि के वचन सुन विजयघोष ब्राह्मण सम्बुद्ध हुआ और उसके पास दीक्षित हो गया। सम्यक् आराधना कर दोनों सिद्ध, बुद्ध और मुक्त हो गए।

मुनि को भोजन के लिए, पान के लिए, वस्त्र के लिए, वसती के लिए आदि-आदि कारणों से धर्मोपदेश नहीं देना चाहिए, किन्तु केवल आत्मोद्धार के लिए ही उपदेश देना चाहिए। इसी तथ्य को स्पष्टता से व्यक्त करते हुए जयघोष मुनि ब्राह्मण विजयघोष से कहते हैं—

''मुनि न अन्न के लिए, न जल के लिए और न किसी अन्य जीवन-निर्वाह के साधन के लिए, लेकिन मुक्ति के लिए धर्मोपदेश देते हैं। मुझे भिक्षा से कोई प्रयोजन नहीं। तुम निष्क्रमण कर मुनि-जीवन को स्वीकार करो।'' (श्‍लो. १०, ३८)

''भोग आसक्ति है और अभोग अनासक्ति। आसक्ति संसार है और अनासक्ति मोक्ष। मिट्टी के दो गोले हैं—एक गीला और दूसरा सूखा। जो गीला होता है वह भित्ति से चिपक जाता है और जो सूखा होता है वह नहीं चिपकता। इसी प्रकार जो व्यक्ति आसक्ति से भरा है, कर्म-पुद्गल उसके चिपकते हैं और जो अनासक्त है, कर्म उसके नहीं चिपकते।'' (श्‍लो. ३९ से ४१)

''बाह्य-चिन्ह, वेष आदि अतिरक्ति पवित्रता के द्योतक नहीं है। बाह्य-लिंग संप्रदायानुगत अस्तित्व के द्योतक मात्र हैं। मुंडित होने मात्र से कोई श्रमण नहीं होता। ओंकार का जाप करने मात्र से कोई ब्राह्मण नहीं होता, अरण्य में रहन मात्र से कोई मुनि नहीं होता, दर्भ—वल्कल आदि धारण करने मात्र से कोई तापस पहीं होता।'' (श्‍लो. २९)

''समभाव से समण होता है, ब्रह्मचर्य का पालन करने से ब्राह्मण, ज्ञान से मुनि और तपस्या से तापस होता है।'' (श्‍लो. ३१)

''जातिवाद अतात्त्विक है। अपने-अपने कार्य से व्यक्ति ब्राह्मण आदि होता है। जाति कार्य के आधार पर विभाजित है, जन्म के आधार पर नहीं। मनुष्य कर्म से ब्राह्मण होता है, कर्म से क्षत्रिय, कर्म से वैश्य और कर्म से क्षुद्र। (श्‍लो. ३१)

वेद, यज्ञ, धर्म और नक्षत्र का मुख क्या है? अपनी

तथा दूसरे की आत्मा में सुधार करने में कौन समर्थ है?

इन प्रश्‍नों का समाधान मुनि जयघोष ने विस्तार से दिया है। (श्‍लो. १६ से ३३)

पंचविइसमं अज्झयणं : चण्णइज्जं

पचीसवां अध्ययन : यज्ञीय

मूल

१. माहणकुलसंभूओ, आसि विप्पो महायसो।

जायाई जमजण्णंमि, जयघोसे त्ति नामओ।।

हिन्दी अनुवाद

ब्राह्मण कुल में उत्पन्न एक महान् यशस्वी विप्र१ था। वह यजनशील२ था, यमयज्३ (जीव-संहारक यज्ञ) में लगा रहता था। उसका नाम था जयघोष।

२. इंदियग्गामनिग्गाही, मग्गगामी महामुणी।

गामाणुगामं रीयंते, पत्ते वाणारसिं पुरिं।।

वह (अहिंसा धर्म में प्रतिबुद्ध होकर) इन्द्रिय-समूह का निग्रह करने वाला मार्गगामी४ महामुनि हो गया। एक गांव से दूसरे गांव जाता हुआ वह वाराणसी पुरी पहुंचा।

३. वाणारसीए बहिया, उज्जाणंमि मणोरमे।

फासुए सेज्जसंथारे, तत्थ वासमुवागए।।

वाराणसी के बाहर मनोरम उद्यान में प्रासुक शय्या और बिछौना लेकर वहां रहा।

४. अह तेणेव कालेणं, पुरीए तत्थ माहणे।

विजयघोसे त्ति नामेण, जण्णं जयइ वेयवी।।

उसी समय उस पुरी में वेदों को जानने वाला विजयघोष नाम का ब्राह्मण यज्ञ५ करता था।

५. अह से तत्थ अणगारे, मासक्खमणपारणे।

विजयघोसस्स जण्णंमि, भिक्खमट्ठा उवट्ठिए।।

वह जयघोष मुनि एक मास की तपस्या का पारणा करने के लिए विजयघोष के यज्ञ में भिक्षा लेने को उपस्थित हुआ।

६. समुवट्ठियं तहिं संतं, जायगो पडिसेहए।

न हु दाहामि ते भिक्खं, भिक्खू! जायाहि अन्नओ।।

यज्ञकर्ता ने वहां उपस्थित हुए मुनि को निषेध की भाषा में कहा—'भिक्षो! तुम्हें भिक्षा नहीं दूंगा और कहीं याचना करो।'

७. जे य वेयविऊ विप्पा, जण्णट्ठा य जे दिया।

जोइसंगविऊ जे य, जे य धम्माण पारगा।।

'हे भिक्षो! यह सबके द्वारा अभिलाषित६भोजन उन्हीं को देना है जो वेदों को जानने वाले विप्र हैं, यज्ञ के लिए जो द्विज हैं ७,

८. जे समत्था समुद्धत्तुं, परं अप्पाणमेव य।

तेसिं अन्नमिणं देयं, भो भिक्खू! सव्वकामियं।।

जो ज्योतिष आदि वेद के छहों अंगों को जानने वाले८ हैं, जो धर्म-शास्त्रों के पारगामी हैं, जो अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ है।'

९. सो एवं तत्थ पडिसिद्धो, जायगेण महामुणी।

न वि रुट्ठो न वि तुट्ठो, उत्तमट्ठगवेसओ।।

वह महामुनि यज्ञकर्ता के द्वारा प्रतिषेध किये जाने पर न रुष्ट ही हुआ और न तुष्ट ही हुआ, क्योंकि वह उत्तम-अर्थ—मोक्ष की गवेषणा में लगा हुआ था।९

१०. नन्नट्ठं पाणहेउं वा, न वि निव्वाहणाय वा।

तेसिं विमोक्खणट्ठाए, इमं वयणमब्बवी।।

न अन्न के लिए, न पानक के लिए और न किसी जीवन-निर्वाह के लिए, किन्तु उनकी विमुक्ति के लिए मुनि ने इस प्रकार कहा१०—

११. नवि जाणसि वेयमुहं, नवि जण्णाण जं मुहं।

नक्खत्ताण मुहं जं च, जं च धम्माण वा मुहं।।

'तू वेद के मुख को नहीं जानता। यज्ञ का जो मुख है, उसे भी नहीं जानता। नक्षत्र का जो मुख है और धर्म का जो मुख है, उसे भी नहीं जानता।' ११

१२. जे समत्था समुद्धत्तुं, परं अप्पाणमेव य।

न ते तुमं वियाणासि, अह जाणासि तो भण।।

'जो अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ है, उन्हें तू नहीं जानता। यदि जानता है तो बता।'

१३. तस्सक्खेवपमोक्खं च, अचयंतो तहिं दिओ।

सपरिसो पंजली होउं, पुच्छई तं महामुणिं।।

मुनि के प्रश्‍न का उत्तर१२ देने में अपने को असमर्थ पाते हुए द्विज ने परिषद् सहित हाथ जोड़ कर उस महामुनि से पूछा—

१४. वेयाणं च मुहं बूहि, बूहि जण्णाण जं मुहं।

नक्खत्ताण मुहं बूहि, बूहि धम्माण वा मुहं।।

'तुम कहो वेदों का मुख क्या है? यज्ञ का जो मुख है वह तुम्हीं बतलाओ। तुम कहो नक्षत्रों का मुख क्या है? धर्मों का मुख क्या है, तुम्हीं बतलाओ।'

१५. जे समत्था समुद्धत्तुं, परं अप्पाणमेव य।

एयं मे संसयं सव्वं, साहू कहय पुच्छिओ।।

'जो अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ हैं (उनके विषय में तुम्हीं करो)। हे साधु! यह मुझे सारा संशय है, तुम मेरे प्रश्‍नों का समाधान दो।'

१६. अग्गिहोत्तमुहा वेया, जण्णट्ठी वेयसां मुहं।

नक्खत्ताण मुहं चंदो, धम्माणं कासवो मुहं।।

'वेदों का मुख अग्‍निहोत्र है, यज्ञों का मुख यज्ञार्थी है, नक्षत्रों का मुख चन्द्रमा है और धर्मों का मुख काश्यप—ऋषभदेव है।'१३

१७. जहा चंदं गहाईया, चिट्ठंति पंजलीउडा।

वंदमाणा नमंसंता, उत्तमं मणहारिणो।।

'जिस प्रकार चन्द्रमा के सम्मुख ग्रह आदि हाथ जोड़े हुए, वन्दना-नमस्कार करते हुए और विनीत भाव से मन का हरण करते हुए रहते हैं उसी प्रकार भगवान् ऋषभ के सम्मुख सब लोग रहते थे।'

१८. अजाणगा जण्णवाई, विज्जामाहणसंपया।

गूढा सज्झायतवसा, भासच्छन्ना इवग्गिणो।।

यज्ञवादी ब्राह्मण की सम्पदा—विद्या से अनभिज्ञ हैं। वे बाहर में स्वाध्याय और तपस्या से गूढ़—उपशांत बने हुए हैं और भीतर में राख से ढकी अग्‍नि की भांति प्रज्वलित हैं।

१९. जो लोए बंभणो वुत्तो, अग्गी वा महिओ जहा।

सया कुसलसंदिट्ठं, तं वयं बूम माहणं।।

'जो ब्राह्मण है वह अग्‍नि की भांति सदा लोक में पूजित है। उसे हम कुशल पुरुष द्वारा संदिष्ट (कहा हुआ) ब्राह्मण कहते हैं।'

२०. जो न सज्जइ आगंतुं, पव्वयंतो न सोयई।

रमए अज्जवयणंमि, तं वयं बूम माहणं।।

'जो आने पर १४आसक्त नहीं होता, जाने के समय शोक नहीं करता, जो आर्य-वचन में१५ रमण करता है, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२१. जायरूवं जहामट्ठं, निद्धंतमलपावगं।

रागद्दोसभयाईयं, तं वयं बूम माहणं।।

'अग्‍नि में तपा कर शुद्ध किए हुए१६और घिसे हुए१७ सोने की तरह जो विशुद्ध है तथा राग-द्वेष और भय से रहित है, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

(तवस्सियं किसं दंतं, अवचियमंससोणियं।

सुव्वयं पत्तनिव्वाणं, तं वयं बूम माहणं।।)

(जो तपस्वी है, कृश है, दांत है, जिसके मांस और शोणित का अपचय हो चुका है, जो सुव्रत है, जो शांति को प्राप्त है, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।)

२२. तसपाणे वियाणेत्ता, संगहेण य थावरे।

जो न हिंसइ तिविहेणं, तं वयं बूम माहणं।।

'जो त्रस और पिण्डीभूत स्थावर जीवों को१८ भलीभांति जानकर मन, वाणी और शरीर से उनकी हिंसा नहीं करता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२३. कोहा वा जइ वा हासा, लोहा वा जइ वा भया।

मुसं न वयई जो उ, तं वयं बूम माहणं।।

'जो क्रोध, हास्य, लोभ या भय के कारण असत्य नहीं बोलता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२४. चित्तमंतमचित्तं वा, अप्पं वा जइ वा बहुं।

न गेण्हइ अदत्तं जो, तं वयं बूम माहणं।।

'जो सचित्त या अचित्त कोई भी पदार्थ, थोड़ा या अधिक कितना ही क्यों न हो, उसके अधिकारी के दिए बिना नहीं लेता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२५. दिव्वमाणुसतेरिच्छं, जो न सेवइ मेहुणं।

मणसा कायवक्केणं, तं वयं बूम माहणं।।

'जो देव, मनुष्य और तिर्यञ्च संबंधी मैथुन का मन, वचन और काया से सेवन नहीं करता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२६. जहा पोमं जले जायं, नोवलिप्पइ वारिणा।

एवं अलित्तो कामेहिं, तं वयं बूम माहणं।।

'जिस प्रकार जल में उत्पन्न हुआ कमल जल से लिप्त नहीं होता, इसी प्रकार काम के वातावरण में उत्पन्न हुआ जो मनुष्य उससे लिप्त नहीं होता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

२७. अलोलुयं मुहाजीवी, अणगारं अकिंचणं।

असंसत्तं गिहत्थेसु, तं वयं बूम माहणं।।

'जो लोलुप नहीं है, जो निष्कामजीवी है,१९जो गृह- त्यागी है, जो अकिंचन है, जो गृहस्थों में अनासक्त है, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

(जहित्ता पुव्वसंजोगं, नाइसंगे य बंधवे।

जो न सज्जइ एएहिं, तं वयं बूम माहणं।।)

(जो पूर्व-संयोगों, ज्ञाति-जनों की आसक्ति और बान्धवों को छोड़कर उनमें आसक्त नहीं होता, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।)

२८. पसुबंधा सव्ववेया, जट्ठं च पावकम्मुणा।

न तं तायंति दुस्सीलं, कम्माणि बलवंति ह।।

'जिनके शिक्षा-पद पशुओं को बलि के लिए यज्ञस्तूपों में बांधे जाने के हेतु बनते हैं, वे सब वेद और पशु-बलि आदि पापकर्म के द्वारा किए जाने वाले यज्ञ दु:शील सम्पन्न उस यज्ञकर्त्ता को त्राण नहीं देते, क्योंकि कर्म बलवान् होते हैं।'

२९. न वि मुंडिएण समणो, न ओंकारेण बंभणो।

न मुणी रण्णवासेणं, कुसचीरेण न तावसो।।

'केवल सिर मूंड लेने से कोई श्रमण नहीं होता, 'ओम्' का जप करने मात्र से कोई ब्राह्मण नहीं होता, केवल अरण्य में रहने से कोई मुनि नहीं होता ओर कुश का चीवर पहनने मात्र से कोई तापस नहीं होता।'

३०. समयाए समणो होइ, बंभचेरेण बंभणो।

नाणेण य मुणी होइ, तवेणं होइ तावसो।।

'समभाव की साधना करने से श्रमण होता है, ब्रह्मचर्य के पालन में ब्राह्मण होता है, ज्ञान की आराधना—मनन करने से मुनि होता है, तप का आचरण करने से तापस होता है।'२०

३१. कम्मुणा बंभणो होइ, कम्मुणा होइ ख्त्तिओ।

वइस्सो कम्मुणा होइ, सुद्दो हवइ कम्मुणा।।

'मनुष्य कर्म से ब्राह्मण होता है, कर्म से क्षत्रिय होता है, कर्म से वैश्य होता है और कर्म से ही शूद्र होता है।'२१

३२. एए पाउकरे बुद्धे, जेहिं होइ सिणायओ।

सव्वकम्मविनिम्मुक्कं, तं वयं बूम माहणं।।

'इन तत्त्वों को अर्हत् ने प्रकट किया है। इनके द्वारा जो मनुष्य स्‍नातक होता है, जो सब कर्मों से मुक्त२२होता है, उसे हम ब्राह्मण कहते हैं।'

३३. एवं गुणसमाउत्ता, जे भवंति दिउत्तमा।

ते समत्था उ उद्धत्तुं, परं अप्पाणमेव य।।

'इस प्रकार जो गुण-सम्पन्न द्विजोत्तम होते हैं, वे ही अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ है।'

३४. एवं तु संसए छिन्ने, विजयघोसे य माहणे।

समुदाय तयं तं तु, जयघोसं महामुणिं।।

'इस प्रकार संशय दूर होने पर विजय-घोष ब्राह्मण ने जयघोष की वाणी को भलीभांति समझा और संतुष्ट हो, हाथजोड़ कर महामुनि जयघोष से इस प्रकार कहा—'

३५. तुट्ठे य विजयघोसे, इणमुदाहु कयंजली।

माहणत्तं जहाभूयं, सुट्ठु मे उवदंसियं।।

'तुमने मुझे यथार्थ ब्राह्मणत्व का बहुत ही अच्छा अर्थ समझाया है।'

३६. तुब्भे जइया जण्णाणं, तुब्भे वेयविऊ विऊ।

जोइसंगविऊ तुब्भे, तुब्भे धम्माण पारगा।।

'तुम यज्ञों के यज्ञकर्त्ता हो, तुम वेदों को जानने वाले विद्वान् हो, तुम वेद के ज्योतिष आदि छहों अंगों को जानते हो, तुम धर्मों के पारगामी हो।'

३७. तुब्भे समत्था उद्धत्तुं, परं अप्पाणमेव य।

तमणुग्गहं करेहम्हं, भिक्खेणं भिक्खुउत्तमा।।

'तुम अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ हो, इसलिए हे भिक्षु-श्रेष्ठ! तुम हम पर भिक्षा लेने का अनुग्रह करो।'

३८. न कज्जं मज्झ भिक्खेण, खिप्पं निक्खमसू दिया!।

मा भमिहिसि भयावट्टे, घोरे संसारसागरे।।

'मुझे भिक्षा से कोई प्रयोजन नहीं है। हे द्विज! तू तुरन्त ही निष्क्रमण कर मुनि-जीवन को स्वीकार कर। जिससे भय के आवर्त्तों से आकीर्ण इस घोर संसार-सागर में तुझे चक्कर लगाना न पड़े।'

३९. उवलेवो होइ भोगेसु, अभोगी नोवलिप्पई।

भोगी भमइ संसारे, अभोगी विप्पमुच्चई।।

'भोगों में उपलेप होता है। अभोगी लिप्त नहीं होता। भोगी संसार में भ्रमण करता है। अभोगी उससे मुक्त हो जाता है।'

४०. उल्लो सुक्को य दो छूढा, गोलया मट्टियामया।

दो वि आवडिया कुड्डे, जो उल्लो सो तत्थ लग्गई।।

मिट्टी के दो गोले—एक गीला और एक सूखा—फेंके गए। दोनों भींत पर गिरे। जो गीला था वह वहां चिपक गया।'

४१. एवं लग्गंति दुम्मेहा, जे नरा कामलालसा।

विरत्ता उ न लग्गंति, जहा सुक्को उ गोलओ।।

इसी प्रकार जो मनुष्य दुर्बुद्धि और कामभोगों में आसक्त होते हैं, वे विषयों से चिपट जाते हैं। जो विरक्त होते हैं, वे उनसे नहीं चिपटते, जैसे सूखा गोला।'

४२. एवं से विजयघोसे, जयघोसस्स अंतिए।

अणगारस्स निक्खंतो, धम्मं सोच्चा अणुत्तरं।।

इस प्रकार वह विजयघोष जयघोष अनगार के समीप अनुत्तर धर्म सुनकर प्रव्रजित हो गया।

४३. खवित्ता पुव्वकम्माइं, संजमेण तवेण य।

जयघोसविजयघोसा, सिद्धिं पत्ता अणुत्तरं।।

जयघोष और विजयघोष ने संयम और तप के द्वारा पूर्व संचित्त कर्मों का क्षीण कर अनुत्तर सिद्धि प्राप्त की।

—ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २५ : यज्ञीय

१. (माहण......विप्पो)

'माहण' का अर्थ है—ब्राह्मण। यह कुल के आधार पर किया गया नामकरण है। विप्र वह होता है जो ब्राह्मण कुल में उत्पन्न होकर अध्ययन-अध्यापन तथा आचार-व्यवहार में निरत रहता है।

एक प्रसिद्ध श्‍लोक है—

जन्मना ब्राह्मणो ज्ञेय:, संस्कारैर्द्विज उच्यते।

विद्यया याति विप्रत्वं, त्रिभि: श्रोत्रिय उच्यते।।

विप्र की व्याख्या के लिए देखें—श्‍लोक ७ का टिप्पण।

२. यजनशील (जायाई)

इसका संस्कृत रूप है—यायाजी। जो यजनशील होता है, यज्ञ करने में अवश्य प्रवृत्त होता है, वह यायाजी कहलाता है।

३. यमयज्ञ (जमजण्णंमि)

चूर्णिकार ने इसका अर्थ यमयज्ञ—यमतुल्य यज्ञ किया है, क्योंकि इसमें जीववध होता है। वृत्तिकार ने इसको वैकल्पिक अर्थ मानकर इसका मूल अर्थ यमयज्ञ—व्रतयज्ञ किया है। गृहस्थावस्था की अपेक्षा से यमयज्ञ का चूर्णि सम्मत अर्थ किया जा सकता है और मुनि अवस्था की अपेक्षा से वृत्तिकार का मूल अर्थ किया जा सकता है।

वैदिक परम्परा में पांच यज्ञ माने गए हैं—भूतयज्ञ, मनुष्ययज्ञ, पितृयज्ञ, देवयज्ञ और ब्रह्मयज्ञ। यमयज्ञ की तुलना भूतयज्ञ से की जा सकती है।

४. मार्गगामी (मग्गगामी)

इसके दो अर्थ प्राप्त हैं—

(१) सम्यग् दर्शन, सम्यग् ज्ञान और सम्यक् चारित्र—इस त्रिपदी मार्ग का अनुमागी।

(२) मुक्तिपथ की अनुगामी।

५. यज्ञ (जण्णं)

यज्ञ वैदिक परम्परा का आधार है। शतपथ ब्राह्मण में यज्ञ को सबसे श्रेष्ठ-कर्म कहा है।

कर्म-काण्डी मीमांसको का अभिमत है कि जो यज्ञ को छोड़ देता है, वह श्रौत-धर्म से वंचित हो जाता है। भगवान् महावीर के समय यज्ञों को प्रचलन अधिक था। केवल उत्तराध्ययन में ही यज्ञों का विरोध दो स्थलों में पाया जाता है। श्रौत-यज्ञों के बन्द होने से जैन मुनियों के प्रयत्‍न बहुत महत्त्वपूर्ण रहे हैं।

लोकमान्य तिलक के अनुसार—'उपनिषदों में प्रतिपादित ज्ञान के कारण मोक्ष-दृष्टि से इन कर्मों की गौणता आ चुकी थी (गीता २।४१-४६)। यही गौणता अहिंसा-धर्म का प्रचार होने पर आगे अधिकाधिक बढ़ती गई। भागवत-धर्म में स्पष्टतया प्रतिपादित किया गया है कि यज्ञ-याग वेद-विहित हैं, तो भी उनके लिए पशु-वध नहीं करना चाहिए। धान्य से ही यज्ञ करना चाहिए। (देखिए—महाभारत शांतिपर्व ३३६।१० और ३३७)। इस कारण (तथा कुछ अंशों में आगे जैनियों के भी ऐसे ही प्रयत्‍न करने के कारण) श्रौत-यज्ञ मार्ग की आज-कल यह दशा हो गई है कि काशी सरीखे बड़े-बड़े धर्म-क्षेत्रों में भी श्रौताग्‍निहोत्र पालन करने वाले अग्‍नि-होत्री बहुत ही थोड़े दीख पड़ते हैं और ज्योतिष्टोम आदि पशु-पक्षी का होना तो दस-बीस वर्षों में कभी-कभी सुन पड़ता है।'

धर्मानन्द कौशम्बी के अनुसार यज्ञ के उन्मूलन की दिशा में पहला प्रयत्‍न भगवान् पार्श्‍व ने किया। ''इस प्रकार के लम्बे- चौड़े यज्ञ लोगों को कितने अप्रिय होते जा रहे थे, इसके और भी बहुत-से उदाहरण बौद्ध-साहित्य में मिलते हैं। इन यज्ञों से ऊब कर जो तापस जंगलों में चले जाते थे वे यदि कभी ग्रामों में आते भी थे तो लोगों को उपदेश देने के फेर में नहीं पड़ते थे। पहले पहल ऐसा प्रयत्‍न संभवत: पार्श्‍वनाथ ने किया। उन्होंने जनता को दिखा दिया कि यज्ञ-याग धर्म नहीं, चार याम ही सच्चा धर्म-मार्ग है। यज्ञ-याग से ऊबी हुई सामान्य जनता ने तुरन्त इस धर्म को अपनाया।''

६. सब के द्वारा अभिलषित (सव्वकामियं)

वृत्तिकार ने इसके दो संस्कृत रूप दिए हैं—सर्वकाम्य और सर्वकामिक। सर्वकाम्य—ऐसा भोजन जिसमें सारी अभिलषणीय वस्तुएं हों। सर्वकामिक—षड्रसों से युक्त भोजन।

७. विप्र.....द्विज (विप्पा....दिया)

सामान्यत: 'विप्र' और 'द्विज'—ये दोनों शब्द 'ब्राह्मण' के अर्थ में प्रयुक्त होते है। किन्तु इसके निरुक्त भिन्न-भिन्न हैं। जो व्यक्ति ब्राह्मण-जाति में उत्पन्न होते हैं उन्हें 'विप्र' कहा जाता है। यह 'जाति-वाचक' संज्ञा है। जो व्यक्ति ब्राह्मण जाति में उत्पन्न होते हैं और योग्य वय को प्राप्त हो यज्ञोपवीत धारण करते हैं—संस्कारित होते हैं, उन्हें 'द्विज' कहा जाता है। यह एक विशिष्ट संस्कार है जो कि दूसरा जन्म ग्रहण करने के सदृश माना जाता है।

यह भी सम्भव है कि जो वेदों के ज्ञाता होते थे, उन्हें 'विप्र' और जो यज्ञ आदि करने-कराने में निपुण होते थे, उन्हें 'द्विज' कहा जाता था। वह भाव स्वयं प्रस्तुत श्‍लोक के प्रथम और द्वितीय चरण में स्पष्ट है—जे य वेयविऊ विप्पा, जण्णट्ठा य जे दिया।

८. ज्योतिष आदि वेद के छहों अंगों को जानने वाले (जोइसंगविऊ)

शिक्षा, कल्प, व्याकरण, निरुक्त, छंद और ज्योतिष—ये छ: वेदांग कहलाते हैं। इनमें शिक्षा वेद की नासिका है, कल्प हाथ, व्याकरण मुख, निरुक्त श्रोत्र, छन्द पैर और ज्योतिष नेत्र हैं। इसीलिए वेद-शरीर के वे अंग कहलाते हैं। इनके द्वारा वेदार्थ को समझने में मूल्यवान् सहायता प्राप्त होती है। वेद के प्रधान प्रतिपाद्य यज्ञों से ज्योतिष का विशिष्ट सम्बन्ध है।

आचार्य ज्योतिष (श्‍लोक ३६) में कहा गया है—'यज्ञ के लिए वेदों का अवतरण है और काल के उपयुक्त सन्निवेश से यज्ञों का सम्बन्ध है, इसलिए ज्योतिष को 'काल-विधायक-शास्त्र' कहा जाता है। फलत: ज्योतिष जानने वाला ही यज्ञ का ज्ञाता है। इसीलिए यहां ज्योतिषांग का प्रयोग किया गया है।

९. (श्‍लोक ९)

यह श्‍लोक दशवैकालिक, अ० ५।२ के २७ और ८ श्‍लोक के उपदेश की याद दिलाता है:

बहुं परघरे अत्थि विविहं खाइमसाइमं।

न तत्थ पंडिओ कुप्पे इच्छा देज्ज परो न वा।।

सयणासण वत्थं वा भत्तपाणं व संजए।

अदेंतस्स न कुप्पेज्जा पच्चक्खे वि य दीसओ।।

१०. (श्‍लोक १०)

यह श्‍लोक सूत्रकृतांग द्वितीय श्रुतस्कन्ध के निम्‍न अंश से तुलनीय है:

'से भिक्खू धम्मं किट्टमाणे—नन्नत्थ कम्मनिज्जरट्ठाए धम्ममाइक्खेज्जा' (२।१)

११. (श्‍लेाक ११)

इस श्‍लोक के चारों चरणों में 'मुह' शब्द का प्रयोग हुआ है। पहले और तीसरे चरण में प्रयुक्त 'मुह' का अर्थ 'प्रधान' और दूसरे तथा चौथे चरण में उसका अर्थ 'उपाय' है।

१२. प्रश्‍न का उत्तर (तस्सऽक्खेवपमोक्खं)

यहां आपेक्ष का अर्थ है—प्रश्‍न और प्रमोक्ष का अर्थ है—उत्तर, प्रतिवचन।

देखें—भगवती २।७ का टिप्पण।

१३. (श्‍लोक १६)

इस श्‍लोक में चौदहवें श्‍लोक में पूछे गए पांच प्रश्‍नों के उत्तर दिए गए हैं। पहला प्रश्‍न है—वेदों में प्रधान तत्त्व क्या हैं? इसके उत्तर में कहा गया है—वेदों में प्रधान तत्त्व अग्‍निहोत्र है। अग्‍निहोत्र का अर्थ विजयघोष जानता था किन्तु जयघोष उसे अग्‍निहोत्र का वह अर्थ समझाना चाहते थे जिसका प्रतिपादन आरण्यक-काल में होने लगा था। आत्म-यज्ञ के संदर्भ में जयघोष ने कहा है—''दही का सार जैसे नवनीत होता है वैसे ही वेदों के सार आरण्यक हैं। उनमें सत्य, तप, संतोष, संयम चारित्र, आर्जव, क्षमा, धृति, श्रद्धा और अहिंसा—यह दस प्रकार का धर्म बतलाया गया है। वही सही अर्थ में अग्‍निहोत्र है।'' इससे यह फलित होता है कि जैन-मुनियों की दृष्टि में वेदों की अपेक्षा आरण्यकों का अधिक महत्त्व था। वेदों को वे पशुबन्ध—छाग आदि पशुओं के वध के हेतुभूत मानते थे। आरण्यक-काल में वैदिक-ऋषियों का झुकाव आत्म-यज्ञ की ओर हुआ, इसलिए जयघोष ने वेदों की अपेक्षा आरण्यकों की विशेषता का प्रतिपादन किया। शान्त्याचार्य ने आरण्यक तथा ब्रह्माण्डपुराणात्मक विद्या को ब्राह्मण-सम्पदा माना है।

दूसरा प्रश्‍न है यज्ञ का उपाय (प्रवृत्ति—हेतु) क्या है? इसके उत्तर में कहा गया है—यज्ञ का उपाय 'यज्ञार्थी' है। इस बात को विजयघेाष भली-भांति जानता था किन्तु जयघोष ने उसे यज्ञ बताया कि आत्म-यज्ञ के संदर्भ में इंद्रिय और मन का संयम करने वाले याजक की प्रधानता है।

तीसरा प्रश्‍न है—नक्षत्रों में प्रधान क्या है? इसके उत्तर में कहा गया—नक्षत्रों में प्रधान चन्द्रमा है। इनकी तुलना गीता के—नक्षत्राणामहं शशी (१०।२१) से होती है।

चौथ प्रश्‍न है—धर्मों का उपाय (आदि कारण) कौन है? इसके उत्तर मे कहा गया—धर्मों का उपाय काश्यप है। यहां काश्यप शब्द के द्वारा भगवान् ऋषभ का ग्रहण किया गया है। वृत्तिकार ने इसके समर्थन में एक आरण्यक-वाक्य उद्धृत किया है—''तथा चारण्यकम्—ऋषभ एव भगवान् ब्रह्मा, तेन भगवता ब्रह्मणा स्वयमेव चीर्णानि ब्रह्माणि, यदा च तपसा प्राप्त: पदं यद् ब्रह्मकेवलं तदा च ब्रह्मर्षिणा प्रणीतानि, कानि पुनस्तानि ब्रह्माणि?'' इत्यादि।

किन्तु यह वाक्य किस आरण्यक का है यह हमें ज्ञात नहीं हो सका। वृत्ति-रचनाकाल में हो सकता है, यह किसी आरण्यक में हो और वर्तमान संस्करणों में प्राप्त न हो। या यह भी हो सकता है कि जिन प्रतियों में यह वाक्य प्राप्त था वे आज उपलब्ध न हों।

वृत्तिकार ने अपने प्रतिपाद्य का समर्थन ब्रह्माण्डपुराण के द्वारा भी किया है।

स्थानाङ्ग में सात मूल गोत्र बतलाए गए हैं। उनमें पहला काश्यप है। भगवान् ऋषभ ने वार्षिक तप के पारणा में 'काश्य' अर्थात् रस दिया था, इसलिए वे 'काश्यप' कहलाए। मुनि सुव्रत और नेमिनाथ इन दो तीर्थङ्करों के अतिरिक्त सभी तीर्थंकर काश्यप-गोत्री थे।

धनंजय नाममाला में भगवान् महावीर का नाम 'अन्त्यकाश्यप' है। भगवान् ऋषभ 'आदिकाश्यप' हुए। उनसे धर्म का प्रवाह चला, इसलिए उन्हें धर्मों का आदि-कारण कहा गया है।

सूत्रकृतांग के एक श्‍लोक में इस तथ्य की पुष्टि होती है। वहां कहा गया है कि अतीत में जो तीर्थंकर हुए तथा भविष्य में जो होंगे वे सब 'काश्यप' के द्वारा प्ररूपित धर्म का अनुसरण करेंगे।

पांचवां प्रश्‍न है—अपना और पराया उद्धार करने में समर्थ कौन है? इसका उत्तर श्‍लोक १८ से ३३ तक विस्तार से दिया गया है।

१४. आने पर (आगंतुं)

वृत्तिकार ने 'आगंतुं' पद में तुम् प्रत्यय को आधार मान कर इसके दो अर्थ किए हैं—

(१) स्वजन आदि का स्थान प्राप्त करने के लिए।

(२) प्रव्रज्या पर्याय से गृहवास के पर्याय में आने के लिए।

१५. आर्यवचन (अज्जवयणं)

विभिन्न संदर्भों में आर्य शब्द के अनेक अर्थ किए गए हैं। यहां इसका अर्थ—अहिंसा धर्म का प्रतिपादन करने वाला है। तीर्थंकर अहिंसा धर्म का प्रतिपादन करते हैं, इसलिए वृत्तिकार ने 'आर्य' का अर्थ तीर्थंकर किया है। आर्यवचन—तीर्थंकर की वाणी—आगम।

१६. अग्‍नि में तपाकर शुद्ध किए हुए (निद्धंतमलपावगं)

बृहद्वृत्ति में 'पावक' के दो अर्थ प्राप्त हैं—पापक—अनिष्ट और पावक—अग्‍नि। सुखबोधा में इसका एक ही अर्थ प्राप्त है—पावक—अग्‍नि।

१७. घिसे हुए (जहामट्ठ)

स्वर्ण को तेजस्विता को बढ़ाने के लिए मन:शिला आदि से उसे घिसा जाता है। इससे र्स्वण में चमक-दमक आ जाती है। यह आमृष्ट का अर्थ है।

१८. पिंडीभूत स्थावर जीवों को (संगहेण य थावरे)

वृत्तिकार ने संग्रह शब्द का मुख्य अर्थ संक्षेप और वैकल्पिक अर्थ वर्षाकल्प—वर्षाऋतु में उपयोग में आने वाला मुनि का एक उपकरण—किया है। उन्होंने 'च' शब्द के द्वारा विस्तार का अर्थ ग्रहण किया है। इसका अर्थ होगा—संक्षेप और विस्तार—दोनों दृष्टियों से जानकर।

हमने संग्रह का अर्थ पिण्ड अथवा संहति किया है। स्थावर और पिण्डरूप में ही हमारे ज्ञान के विषय बनते हैं। एक-एक शरीर को पृथक्-पृथक् रूप में नहीं जाना जा सकता।

१९. निष्कामजीवी है (मुहाजीवी)

जो प्रतिपल की भावना से शून्य होकर जीवन-यापन करता है, वह मुधाजीवी कहलाता है। बृहद्वृत्ति में इसका अर्थ है—अज्ञातउंछमात्रवृत्ति। जो मुनि जाति, कुल आदि के सहारे नहीं जीता, अज्ञात रहकर उंछ भोजन से अपना जीवन चलाता है, वह मुधाजीवी होता है।

विस्तृत अर्थ के लिए देखें—दसवेआलियं ५।१।९९,१०० का टिप्पण।

२०. (श्‍लोक ३०)

१. समण

इसके संस्कृत रूप तीन होते हैं—श्रमण, शमन और समनस्। जो श्रमशील है वह श्रमण, जो कषायों का शमन करता है और समता में रहता है वह शमन और जो अच्छे मन वाला होता है वह समनस् होता है। वृत्ति में 'श्रमण' का निरुक्त इस प्रकार किया है—'समं मनोऽस्येति निरुक्तविधिना श्रमण:—निर्ग्रन्थ:।'

२. बंभणो

जो ब्रह्म—आत्मा की चर्या में लीन रहता है, वह ब्राह्मण है। जो ब्रह्मचर्य का पालन करता है वह ब्राह्मण है। ब्रह्म के दो प्रकार हैं—शब्दब्रह्म और परब्रह्म। जो शब्दब्रह्म में निष्णात होता है, वह परब्रह्म को पा लेता है। ब्रह्म शब्द से यहां केवल परब्रह्म गृहीत है। परब्रह्म अहिंसा, सत्य आदि है।

भर्तृहरि ने शब्द को ब्रह्म माना है। शंकराचार्य अथवा अद्वैत का ब्रह्म परमब्रह्म है।

सूत्रकृतांग १४।१ में 'सुबंभचेरं' शब्द का प्रयोग है। वहां चूर्णिकार ने उसके तीन अर्थ किए है—१. सुचारित्र २. नौ गुप्ति-युक्त मैथुन-विरति है। ३. गुरुकुलवास।

सूत्रकृतांग २।५।१ में 'बंभचेर' की व्याख्या में चूर्णिकार ने आचार, आचरण, संयम, संवर और ब्रह्मचर्य को एकार्थ माना है।

आचारांग ३।४ में ब्रह्म का अर्थ—योगियों का परम पवित्र सुख किया है।

३. मुणी

सामान्यतया मुनि का अर्थ मौन रहने वाला किया जाता है। यहां यह अर्थ अभिप्रेत नहीं है। मुनि कहलाने का आधार है ज्ञान। यह ज्ञानार्थक मुण् धातु से निष्पन्न है।

२१. (श्‍लोक ३१)

प्रस्तुत श्‍लोक में जन्मनाजाति का अस्वीकार और कर्मणाजाति का सिद्धांत प्रतिपादित है। जातियां सामयिक आवश्यकता के अनुसार बनती हैं। वे शाश्‍वत नहीं होती महावीर ने जन्मना जातिवाद के विरुद्ध क्रांति की और कर्मणाजाति का प्रतिपादन किया। व्यक्ति अपने कर्म—कार्य से अमुक-अमुक होता है। किसी कुल या जाति में जन्म लेने मात्र से वैसा नहीं हो जाता।

२२. सब कर्मों से मुक्त (सव्वकम्मविनिमुक्क)

प्रस्तुत चरणों में कर्म शब्द कार्य या प्रवृत्ति का वाचक है। स्‍नातक पुरुष जीववध वाले यज्ञ की व्यर्थता और जातिवाद की अतात्विकता समझ लेता है। वह यजन-याजन तथा घृणापूर्ण प्रवृत्ति और आसक्तिपूर्ण कार्यों से मुक्त हो जाता है।

केवली की मुक्ति सन्निकट होने के कारण उसे सर्वकर्मविनिर्मुक्त कहा गया है। यह वृत्तिकार की व्याख्या है। किन्तु यहां ब्राह्मण के प्रकरण में केवली का उल्लेख प्रासंगिक नहीं लगता।

♦

छवीसवां अध्ययन : सामाचारी

26

छब्बीसवां अध्ययन : सामाचारी

आमुख

इस अध्ययन में 'इच्छा' आदि का समाचरण वर्णित है इसलिए इस अध्ययन का नाम 'सामायारी'—'सामचारी' है।

'णाणस्स सारं आयारो' ज्ञान का सार है आचार। आचार जीवन-मुक्ति का साधन है। जैन मनीषियों ने जिस प्रकार तत्त्वों की सूक्ष्मतम छानबीन की है उसी प्रकार आचार का सूक्ष्मतम निरूपण भी किया है। आचार दो प्रकार का होता है—व्रतात्मक-आचार और व्यवहारात्मक- आचार। व्रतात्मक-आचार अहिंसा है। वह शाश्‍वत धर्म है। व्यवहारात्मक आचार है परस्परानुग्रह। वह अनेकविध होता है। यह अशाश्‍वत है।

जो मुनि संघीय-जीवन यापन करते हैं उनके लिए व्यवहारात्मक-आचार भी उतना ही उपयोगी है जितना कि व्रतात्मक-आचार। जिस संघ या समूह में व्यवहारात्मक-आचार की उन्नत विधि है और उनकी सम्यक् परिपालना होती है, वह संघ दीर्घायु होता है। उसकी एकता अखण्ड होती है।

जैन आचार-शास्त्र में दोनों आचारों का विशद निरूपण प्राप्त है। प्रस्तुत अध्ययन में व्यवहारात्मक-आचार के दस प्रकारों का स्फुट निदर्शन है। ये दस प्रकार सम्यक्-आचार के आधार हैं इसलिए इन्हें समाचार, सामाचार और सामाचारी कहा है।

सामाचारी के दो प्रकार हैं—ओघ सामाचारी और पद-विभाग सामाचारी।

प्रस्तुत अध्ययन में ओघ सामाचारी का निरूपण है। टीकाकार ने अध्ययन के अन्त में यह जानकारी प्रस्तुत की है कि ओघ सामाचारी का अन्तर्भाव धर्मकथानुयोग में होता है ओर पद-विभाग सामाचारी का चरणकरणानुयोग में। उत्तराध्ययन धर्मकथानुयोग के अन्तर्गत है

ओघ सामाचारी के दस प्रकार हैं। (श्‍लो. २- ४)

१. आवश्यकी

२. नैषेधिकी

३. आपृच्छा

४. प्रतिपृच्छा

५. छन्दना

६. इच्छाकार

७. मिच्छाकार

८. तथाकार

९. अभ्युत्थान

१०. उपसंपदा।

स्थानांग (१०।१०२) तथा भगवती (२५।५५५) में दस सामाचारी का उल्लेख है। इनमें क्रम-भेद के अतिरिक्त एक नाम-भेद भी है—'अभ्युत्थान' के बदले 'निमंत्रणा' है। निर्युक्ति (गाथा ४८२) में भी 'निमंत्रणा' ही दिया है। मूलाचार (गाथा १२५) में स्थानांग में प्रतिपादित क्रम से ओघ सामाचारी का प्रतिपादन हुआ है।

दिगम्बर-साहित्य में सामाचारी के स्थान पर समाचार, सामाचार शब्द का प्रयोग हुआ है और इसके चार अर्थ किए हैं—

१. समता का आचार।

२. सम्यग् आचार।

३. सम (तुल्य) आचार।

४. समान (परिमाण सहित) आचार।

क्‍वचित् चक्रवाल-सामाचारी का भी उल्लेख मिलता है। वर्द्धमान देशना (पत्र १०२) में शिक्षा के दो प्रकार बताये हैं—आसेवना शिक्षा और ग्रहण शिक्षा।

आसेवना शिक्षा के अन्तर्गत दस-विध चक्रवाल सामाचारी का उल्लेख हुआ है—

१. प्रतिलेखना

२. प्रमार्जना

३. भिक्षा

४. चर्या

५. आलोचना

६. भोजन

७. पात्रक धावन

८. विचारण (बहिर्भूमि-गमन)

९. स्थण्डिल

१०. आवश्यिकी।

उपर्युक्त दस सामाचारियों में आवश्यिकी विभाग में सारी औघिक सामाचारियों का ग्रहण हुआ है।

सामाचारी का अर्थ है—मुनि का आचार-व्यवहार या इति-कर्तव्यता। इस व्यापक परिभाषा से मुनि जीवन की दिन-रात की समस्त प्रवृत्तियां 'सामाचारी' शब्द से व्यवहृत हो सकती है। दस-विध औघिक सामाचारी के साथ-साथ प्रस्तुत अध्ययन में अन्यान्य कर्त्तव्यों का निर्देश भी हुआ है।

शिष्य के लिए आवश्यक है कि वह जो भी कार्य करे गुरु से आज्ञा प्राप्त कर करे। (श्‍लोक ८-१०) दिनचर्या की व्यवस्था के लिए दिन के चार भागों और उनमें करणीय कार्यों का उल्लेख श्‍लोक ११ और १२ में है। श्‍लोक १२ से १६ तक दैवसिय काल-ज्ञान—दिन के चार प्रहरों को जानने की विधि है। श्‍लोक १७ और १८ में रात्रि-चर्या के चार भागों और उनमें करणीय कार्यों का उल्लेख है। श्‍लोक १९ और २० में रात्रिक काल-ज्ञान—रात के चार प्रहरों को जानने की विधि और प्रथम और चतुर्थ प्रहर में स्वाध्याय करने का निर्देश है।

श्‍लोक २१ में उपधि-प्रतिलेखना और स्वाध्याय का विधान है। ८वें श्‍लोक में भी यह विषय-प्रतिपादित है। यहां थोड़े परिवर्तन के साथ पुनरुक्त है। श्‍लोक २२ में पात्र-प्रतिलेखना तथा २३ में उसका क्रम है। श्‍लोक २४ से २८ तक वस्त्र-प्रतिलेखना की विधि है। श्‍लोक २९ और ३० में प्रतिलेखन-प्रमाद के दोष का निरूपण है। श्‍लोक ३१ से ३५ तक में दिन के तीसरे प्रहर के कर्त्तव्य—भिक्षाचारी, आहार तथा दूसरे गांव में भिक्षार्थ जाने आदि का विधान है। श्‍लोक ३६ एवं ३७ तथा ३८ के प्रथम दो चरणों तक चतुर्थ प्रहर के कर्त्तव्य—वस्त्र-पात्र-प्रतिलेखन, स्वाध्याय, शय्या और उच्चार-भूमि की प्रतिलेखना का विधान है। श्‍लोक ३८ के अन्तिम दो चरणों से ४२ के तीन चरणों तक दैवसिक प्रतिक्रमण का विधान है। चतुर्थ चरण में रात्रिक काल- प्रतिलेखना का विधान है। श्‍लोक ४३वां १८वें का पुनरुक्त है तथा ४४वां २०वें का पुनरुक्त है। श्‍लोक ४५ से ५१ तक रात्रिक प्रतिक्रमण का विधान है। ५२वें श्‍लोक मे उपसंहार है। २०वें श्‍लोक तक एक प्रकार से ओघ सामाचारी (दिन और रात की चर्या) का प्रतिपादन हो चुका है। श्‍लोक २१ से ५१ तक प्रतिपादित विषय का ही विस्तार से प्रतिपादन किया है। इसलिए यत्र क्‍वचित् पुनरुक्तियां भी हैं।

मुनि दिन के प्रथम प्रहर में स्वाध्याय करे, दूसरे में ध्यान, तीसरे में भिक्षाचर्या और चौथे में पुन: स्वाध्याय। (श्‍लाक १२)

मुनि रात्रि के प्रथम प्रहर में स्वाध्याय करे, दूसरे में ध्यान, तीसरे में निद्रा-मोक्ष (शयन) और चौथे में पुन: स्वाध्याय। (श्‍लोक १८)

यह मुनि के औत्सर्गिक कर्त्तव्यों का निर्देश है। इसमें कई अपवाद भी है।

दैनिक-कृत्यों का विस्तार से वर्णन २१वें से ३८वें श्‍लोक तक हुआ है और रात्रिक-कृत्यों का ३९वें से ५१वें श्‍लोक तक।

यह सारा वर्णन सामाचारी के अन्तर्गत आता है। सामाचारी संघीय जीवन जीने की कला है। इससे पारस्परिक एकता की भावना पनपती है और इससे संघ दृढ़ बनता है। दस-विध सामाचारी की सम्यक् परिपालना से व्यक्ति में निम्‍न विशेष गुण उत्पन्न होते हैं—

१. आवश्यिकी और नैषेधिकी से निष्प्रयोजन गमनागमन पर नियन्त्रण रखने की आदत पनपती है।

२. मिच्छाकार से पापों के प्रति सजगता के भाव पनपते हैं।

३. आपृच्छा और प्रतिपृच्छा से श्रमशील तथा दूसरों के लिए उपयोगी बनने के भाव बनते हैं।

४. छन्दना से अतिथि-सत्कार की प्रवृत्ति बढ़ती है।

५. इच्छाकार से दूसरों के अनुग्रह को सहर्ष स्वीकार करने तथा अपने अनुग्रह में परिवर्तन करने की कला आती है। परस्परानुग्रह संघीय-जीवन का अनिवार्य तत्त्व है। परन्तु व्यक्ति जब उस अनुग्रह को अधिकार मान बैठता है, वहां स्थिति जटिल बन जाती है। दूसरों के अनुग्रह की हार्दिक स्वीकृति स्वयं में विनय पैदा करती है।

६. उपसंपदा से परस्पर-ग्रहण की अभिलाषा पनपती है।

७. अभ्युत्थान (गुरु-पूजा) से गुरुता की ओर अभिमुखता होती है।

८. तथाकार से आग्रह की आदत छूट जाती है, विचार करने के लिए प्रवृत्ति सदा उन्मुक्त रहती है।

छबीसइमं अज्झयणं : सामायारी

छब्बीसवां अध्ययन : सामाचारी

मूल

१. सामायारिं पवक्खामि, सव्वदुक्खविमोक्खणिं।

जं चरित्ताण निग्गंथा, तिण्णा संसारसागरं।।

हिन्दी अनुवाद

मैं सब दु:खों से मुक्त करने वाले उस समाचारी (व्यवहारात्मक आचार) का निरूपण करूंगा, जिसका आचरण कर निर्ग्रन्थ संसार-सागर को तिर गए।

२. पढमा आवस्सिया नाम, बिइया य निसीहिया।

आपुच्छणा य तइया, चउत्थी पडिपुच्छणा।।

पहली आवश्यकी, दूसरी नैषेधिकी, तीसरी आप्रच्छना, चौथी प्रतिप्रच्छना,

३. पंचमा छंदणा नाम, इच्छाकारो य छट्ठओ।

सत्तमो मिच्छकारो य, तहक्कारो य अट्ठमो।।

पांचवीं छन्दना, छठी इच्छाकार, सातवीं मिथ्याकार, आठवीं तथाकार,

४. अब्भुट्ठाणं नवमं, दसमा उवसंपदा।

एसा दसंगा साहूणं, सामायारी पवेइया।।

नौवीं अभ्युत्थान, दसवीं उपसंपदा भगवान् ने साधुओं की इस दश अंग वाली समाचारी का निरूपण किया है।

५. गमणे आवस्सियं कुज्जा, ठाणे कुज्जा निसीहियं।

आपुच्छणा सयंकरणे, परकरणे पडिपुच्छणा।।

६. छंदणा दव्वजाएणं, इच्छाकारो य सारणे।

मिच्छाकारो य निंदाए, तहक्कारो य पडिस्सुए।।

(१) स्थान से बाहर जाते समय आवश्यकी करे—आवश्यकी का उच्चारण करे। (२) स्थान में प्रवेश करते समय नैषेधिकी करे—नैषेधिकी का उच्चारण करे। (३) अपना कार्य करने से पूर्व आपृच्छना करे—गुरु से अनुमति ले। (४) एक कार्य से दूसरा कार्य करते समय प्रतिपृच्छा करे—गुरु से पुन: अनुमति ले। (५) पूर्व-गृहीत द्रव्यों से छंदना करे—गुरु आदि को निमन्त्रित करे। (६) सारणा (औचित्य से कार्य करने और कराने) में इच्छाकार का प्रयोग करे—आपकी इच्छा हो तो मैं आपका अमुक कार्य करूं। आपकी इच्छा हो तो कृपया मेरा अमुक कार्य करें। (७) अनाचारित की निन्दा के लिए मिथ्याकार का प्रयोग करे। (८) प्रतिश्रवण (गुरु द्वारा प्राप्त उपदेश की स्वीकृति) के लिए तथाकार (यह ऐसे ही है) का प्रयोग करे।

७. अब्भुट्ठाणं गुरुपूया, अच्छणे उवसंपदा।

एवं दुपंचसंजुत्ता, सामायारी पवेइया।।

(९) गुरु-पूजा (आचार्य, ग्लान, बाल आदि साधुओं) के लिए अभ्युत्थान करे—आहार आदि लाए। (१०) दूसरे गण के आचार्य आदि के पास रहने के लिए उपसंपदा ले—मर्यादित काल तक उनका शिष्यत्व स्वीकार करे—इस प्रकार दस-विध समाचारी का निरूपण किया गया है।१

८. पुव्विल्लंमि चउब्भाए, आइच्चंमि समुट्ठिए।

भंडयं पडिलेहित्ता, वंदित्ता य तओ गुरुं।।

सूर्य के उदय होने पर दिन के प्रथम प्रहर के प्रथम चतुर्थ भाग मे२भाण्ड—उपकरणों की३ प्रतिलेखना करे।४ तदनन्तर गुरु की वन्दना कर—

९. पुच्छेज्जा पंजलिउडो, किं कायव्वं मए इहं?।

इच्छं निओइउं भंते!, वेयावच्चे व सज्झाए।।

हाथ जोड़ कर पूछे—अब मुझे क्या करना चाहिए? भन्ते! मैं चाहता हूं कि आप मुझे वैयावृत्त्य या स्वाध्याय में से किसी एक कार्य में नियुक्त करें।

१०. वेयावच्चे निउत्तेणं, कायव्वं अगिलायओ।

सज्झाए वा निउत्तेणं, सव्वदुक्खविमोक्खणे।।

वैयावृत्त्य में नियुक्त किए जाने पर अग्लान भाव से वैयावृत्त्य करे अथवा सर्व दु:खों से मुक्त करने वाले स्वाध्याय में नियुक्त किए जाने पर अग्लान भाव से स्वाध्याय करे।

११. दिवसस्स चउरो भागे, कुज्जा भिक्खू वियक्खणो।

तओ उत्तरगुणे कुज्जा, दिणभागेसु चउसु वि।।

विचक्षण भिक्षु दिन के चार भाग करे। उन चारों भागों में उत्तर-गुणों (स्वाध्याय आदि) की५ आराधना करे।

१२. पढमं पोरिसिं सज्झायं, बीयं झाणं झियायई।

तइयाए भिक्खायरियं, पुणो चउत्थीए सज्झायं।।

प्रथम प्रहर६ में स्वाध्याय और दूसरे में ध्यान करे। तीसरे में भिक्षाचरी और चौथे में पुन: स्वाध्याय करे।

१३. आसाढे मासे दुपया, पोसे मासे चउप्पया।

चित्तासोएसु मासेसु, तिपया हवइ पोरिसी।।

आषाढ़ मास में दो पाद प्रमाण, पौष मास में चार पाद प्रमाण, चैत्र तथा आश्‍विन मास में तीन पाद प्रमाण पौरुषी होती है।७

१४. अंगुलं सत्तरत्तेणं, पक्खेण य दुअंगुलं।

वड्ढए हायए वावि, मासेणं चउरंगुलं।।

सात दिन रात में एक अंगुल, पक्ष में दो अंगुल और एक मास में चार अंगुल वृद्धि और हानि (पौरुषी के कालमान में) होती है। श्रावण मास से पौष मास तक वृद्धि और माघ से आषाढ़ तक हानि होती है।८

१५. आसाढबहुलपक्खे, भद्दवए कत्तिए य पोसे य।

फग्गुणवइसाहेसु य, नायव्वा ओमरत्ताओ।।

आषाढ़, भाद्रपद, कार्तिक, पौष, फाल्गुन और वैशाख— इनके कृष्ण-पक्ष में एक-एक अहोरात्र (तिथि) का क्षय होता है।९

१६. जेट्ठामूले आसाढसावणे, छहिं अंगुलेहिं पडिलेहा।

अट्ठहिं बीयतियंमी, तइए दस अट्ठहिं चउत्थे।।

ज्येष्ठ, आषाढ़, श्रावण इस प्रथम-त्रिक में छह, भाद्रपद, आश्‍विन, कार्तिक इस द्वितीय-त्रिक में आठ, मृगशिर, पौष, माघ इस तृतीय-त्रिक में दश और फाल्गुन, चैत्र, वैशाख इस चतुर्थ-त्रिक में आठ आंगुल की वृद्धि करने से प्रतिलेखना का समय होता है।१०,११

१७. रत्तिं पि चउरो भागे, भिक्खू कुज्जा वियक्खणो।

तओ उत्तरगुणे कुज्जा, राइभाएसु चउसु वि।।

विचक्षण भिक्षु रात्रि के भी चार भाग करे। उन चारों भागों में उत्तर-गुणों की आराधना करे।

१८. पढमं पोरिसिं सज्झायं, बीयं झाणं झियायई।

तइयाए निद्दमोक्खं तु, चउत्थी भुज्जो वि सज्झायं।।

प्रथम प्रहर में स्वाध्याय, दूसरे में ध्यान, तीसरे में नींद१२ और चौथे में पुन: स्वाध्याय करे।

१९. जं नेइ जया रत्तिं, नक्खत्तं तंमि नहचउब्भाए।

संपत्ते विरमेज्जा, सज्झायं पओसकालम्मि।।

जो नक्षत्र जिस रात्रि की पूर्ति करता हो, वह (नक्षत्र) जब आकाश के चतुर्थ भाग में आए (प्रथम प्रहर समाप्त हो जाए) तब प्रदोष-काल (रात्रि के आरम्भ) में प्रारब्ध स्वाध्याय से विरत हो जाए।

२०. तम्मेव य नक्खत्ते, गयणचउब्भागसावसेसंमि।

वेरत्तियं पि कालं, पडिलेहित्ता मुणी कुज्जा।।

वही नक्षत्र जब आकाश के चतुर्थ भाग में शेष रहे तब वैरात्रिक काल (रात का चतुर्थ प्रहर) आया हुआ जान फिर स्वाध्याय में प्रवृत्त हो जाए।१३

२१. पुव्वल्लंमि चउब्भाए, पडिलेहित्ताण भंडयं।

गुरुं वंदित्तु सज्झायं, कुज्जा दुक्खविमोक्खणं।।

दिन के प्रथम प्रहर के प्रथम चतुर्थ भाग में भाण्ड-उपकरणों का प्रतिलेखन कर गुरु को वन्दना कर, दु:ख से मुक्त करने वाला स्वाध्याय करे।

२२. पोरिसीए चउब्भाए, वंदित्ताण तओ गुरुं।

अपडिक्कमित्ता कालस्स, भायणं पडिलेहए।।

पौन पौरुषी बीत जाने पर गुरु को वन्दना कर, काल का प्रतिक्रमण—कायोत्सर्ग किए बिना ही भाजन की प्रतिलेखना करे।१४

२३. मुहपोत्तियं पडिलेहित्ता, पडिलेहिज्ज गोच्छगं।

गोच्छगलइयंगुलिओ, वत्थाइं पडिलेहए।।

मुखवस्त्रिका की प्रतिलेखना कर गोच्छग की प्रतिलेखना करे। गोच्छग को अंगुलियों से पकड़ कर भाजन को ढांकने के पटलों की प्रतिलेखना करे।१५

२४. उड्ढं थिरं अतुरियं, पुव्वं ता वत्थमेव पडिलेहे।

तो बिइयं पप्फोडे, तइयं च पुणो पमज्जेज्जा।।

सबसे पहले ऊकडू-आसन पर बैठ, वस्त्र को ऊंचा रखे१६, स्थिर रखे और शीघ्रता किए बिना उसकी प्रतिलेखना करे—चक्षु से देखे। दूसरे में वस्त्र को झटकारे और तीसरे में वस्त्र की प्रमार्जना करे।

२५. अणच्चावियं अवलियं, अणाणुबंधिं अमोसलिं चेव।

छप्पुरिमा नव खोडा, पाणीपाणविसोहणं।।

प्रतिलेखना करते समय (१) वस्त्र या शरीर को न नचाए, (२) न मोड़े, (३) वस्त्र को दृष्टि से अलक्षित विभाग न करे,१७ (४) वस्त्र का भींत आदि से स्पर्श न करे, (५) वस्त्र के छह पूर्व और नौ खोटक करे और (६) जो कोई प्राणी हो उसका हाथ पर नौ बार विशोधन (प्रमार्जन) करे।

२६. आरभडा सम्मद्दा, वज्जेयव्वा य मोसली तइया।

पप्फोडणा चउत्थी, विक्खित्ता वेइया छट्ठा।।

मुनि प्रतिलेखना में छह दोषों का वर्जन करे—

(१) आरभटा—विधि से विपरीत प्रतिलेखन करना अथवा एक वस्त्र का पूरा प्रतिलेखन किए बिना आकुलता से दूसरे वस्त्र को ग्रहण करना।

(२) सम्मर्दा—प्रतिलेखन करते समय वस्त्र को इस प्रकार पकड़ना कि उसके बीच में सलवटें पड़ जाय अथवा प्रतिलेखनीय उपधि पर बैठ कर प्रतिलेखना करना।

(३) मोसली—प्रतिलेखन करते समय वस्त्र को ऊपर, नीचे, तिरछे किसी वस्त्र या पदार्थ से संघट्टित करना।

(४) प्रस्फोटना—प्रतिलेखन करते समय रज-लिप्त-वस्त्र को गृहस्थ की तरह वेग से झटकना।

(५) विक्षिप्ता—प्रतिलेखित वस्त्रों को अप्रतिलेखित वस्त्रों पर रखना अथवा वस्त्र के अञ्चल को इतना ऊंचा उठाना कि उसकी प्रतिलेखना न हो सके।

(६) वेदिका—प्रतिलेखना करते समय घुटनों के ऊपर, नीचे या पार्श्‍व में हाथ रखना अथवा घुटनों को भुजाओं के बीच रखना।

२७. पसिढिलपलंबलोला, एगामोसा अणेगरूवधुणा।

कुणइ पमाणि पमायं, संकिए गणणोवगं कुज्जा।।

प्रतिलेखना के ये सात दोष और हैं—

(१) प्रशिथिल—वस्त्र को ढीला पकड़ना।

(२) प्रलम्ब—वस्त्र को विषमता से पकड़ने के कारण कोनों को लटकाना।

(३) लोल—प्रतिलेख्यमान वस्त्र का हाथ या भूमि से संघर्षण करना।

(४) एकामर्शा—वस्त्र को बीच में से पकड़ कर उसके दोनों पार्श्‍वों का एक बार में ही स्पर्श करना—एक दृष्टि में ही समूचे वस्त्र को देख लेना।

(५) अनेक रूप धूनना—प्रतिलेखना करते समय वस्त्र को अनेक बार (तीन बार से अधिक) झटकना अथवा अनेक वस्त्रों को एक साथ झटकना।

(६) प्रमाण-प्रमाद—प्रस्फोटन और प्रमार्जन का जो प्रमाण (नौ-नौ बार करना) बतलाया है, उसमें प्रमाद करना।

(७) गणनोपगणना—प्रस्फोटन और प्रमार्जन के निर्दिष्ट प्रमाण में शङ्का होने पर उसकी गिनती करना।

२८. अणूणाइरित्तपडिलेहा, अविवच्चासा तहेव य।

पढमं पयं पसत्थं, सेसाणि उ अप्पसत्थाइं।।

वस्त्र के प्रस्फोटन और प्रमार्जन के प्रमाण से अन्यून अनतिरिक्त (न कम और न अधिक) और अविपरीत प्रतिलेखना करनी चाहिए। इन तीन विशेषणों के आधार पर प्रतिलेखना के आठ विकल्प बनते हैं। इनमें प्रथम विकल्प (अन्यून, अनतिरिक्त और अविपरीत) प्रशस्त है और शेष अप्रशस्त।१८

२९. पडिलेहणं कुणंतो, मिहोकहं कुणइ जणवयकहं वा।

देइ व पच्चक्खाणं, वाएइ सयं पडिच्छइ वा।।

जो प्रतिलेखना करते समय काम-कथा करता है अथवा जन-पद की कथा करता है अथवा प्रत्याख्यान कराता है, दूसरों को पढ़ाता है अथवा स्वयं पढ़ता है—

३०. पुढवीआउक्काए, तेऊवाऊवणस्सइतसाणं।

पडिलेहणापमत्तो, छण्हं पि विराहओ होइ।।

वह प्रतिलेखना में प्रमत्त मुनि पृथ्वीकाय, अप्काय, तेजस्काय, वायुकाय, वनस्पतिकाय और त्रसकाय—इन छहों कायों का विराधक होता है।१९

(पुढवीआउक्काए, तेऊवाऊवणस्सइतसाणं।

पडिलेहणआउत्तो, छण्हं आराहओ होइ।।)

(प्रतिलेखना में अप्रमत्त मुनि पृथ्वीकाय, अप्काय, तेजस्काय, वायुकाय, वनस्पतिकाय और त्रसकाय—इन छहों कायों का आराधक होता है।)

३१. तइयाए पोरिसीए, भत्तं पाणं गवेसए।

छण्हं अन्नयरागम्मि, कारणंमि समुट्ठिए।।

छह कारणों में से किसी एक के उपस्थित होने पर तीसरे प्रहर में भक्त और पान की गवेषणा करे।

३२. वेयणवेयावच्चे, इरियट्ठाए य संजमट्ठाए।

तह पाणवत्तियाए, छट्ठं पुण धम्मचिंताए।।

वेदना (क्षुधा) शान्ति के लिए, वैयावृत्त्य के लिए, ईर्या समिति के शोधन के लिए, संयम के लिए तथा प्राण-प्रत्यय (जीवित रहने) के लिए और छट्ठा धर्म-चिन्तन के लिए भक्त-पान की गवेषणा करे।२०

३३. निग्गंथो धिइमंतो, निग्गंथी वि न करेज्ज छहिं चेव।

ठाणेहिं उ इमेहिं, अणइक्कमणा य से होइ।।

धृतिमान् साधु और साध्वी इन छह कारणों से भक्त-पान की गवेषणा न करे, जिससे उनके संयम का अतिक्रमण न हो।

३४. आयंके उवसग्गे, तितिक्खया बंभचेरगुत्तीसु।

पाणिदया तवहेउं, सरीरवोच्छेयणट्ठाए।।

रोग होने पर, उपसर्ग आने पर, ब्रह्मचर्य गुप्ति की तितिक्षा (सुरक्षा) के लिए, प्राणियों की दया के लिए, तप के लिए और शरीर-विच्छेद के लिए मुनि भक्त-पान की गवेषणा न करे।२१

३५. अवसेसं भंडगं गिज्झा, चक्खुसा पडिलेहए।

परमद्धजोयणाओ, विहारं विहरए मुणी।।

सब (भिक्षोपयोगी) भाण्डोपकरणों को ग्रहण कर२२ चक्षु से उनकी प्रतिलेखना करे और दूसरे गांव में भिक्षा के लिए जाना आवश्यक हो तो अधिक से अधिक अर्ध-योजन प्रदेश तक२३जाए।

३६. चउत्थीए पोरिसीए, निक्खिवित्ताण भायणं।

सज्झायं तओ कुज्जा, सव्वभावविभावणं।।

चौथे प्रहर में भाजनों को प्रतिलेखन पूर्वक बांध कर रख दे, फिर सर्व भावों को प्रकशित करने वाला२४ स्वाध्याय करे।

३७. पोरिसीए चउब्भाए, वंदित्ताण तओ गुरुं।

पडिक्कमित्ता कालस्स, सेज्जं तु पडिलेहए।।

चौथे प्रहर के चतुर्थ भाग में पौन पौरुषी बीत जाने पर स्वाध्याय के पश्‍चात् गुरु को वन्दना कर, काल का प्रतिक्रमण कर, (स्वाध्याय-काल से निवृत्त होकर) शय्या की प्रतिलेखना करे।

३८. पासवणुच्चारभूमिं च, पडिलेहिज्ज जयं जई।

काउस्सग्गं तओ कुज्जा, सव्वदुक्खविमोक्खणं।।

यतनाशील यति प्रस्रवण और उच्चार-भूमि की प्रतिलेखना करे। तदनन्तर सर्व-दु:खों से मुक्त करने वाला कायोत्सर्ग करे।

३९. देसियं च अईयारं, चिंतिज्ज अणुपुव्वसो।

नाणे दंसणे चेव, चरित्तम्मि तहेव य।।

ज्ञान, दर्शन और चारित्र सम्बन्धी दैवसिक२५अतिचार का अनुक्रम से चिन्तन करे।

४०. पारियकाउस्सग्गो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

देसियं तु अईयारं, आलोएज्ज जहक्कमं।।

कायोत्सर्ग को समाप्त कर, गुरु को वन्दना करे। फिर अनुक्रम से दैवसिक अतिचार की आलोचना करे।

४१. पडिक्कमित्तु निस्सल्लो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

काउस्सगं तओ कुज्जा, सव्वदुक्खविमोक्खणं।।

प्रतिक्रमण से नि:शल्य होकर गुरु को वन्दना करे। फिर सर्व दु:खों से मुक्त करने वाला कायोत्सर्ग करे।

४२. पारियकाउस्सग्गो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

थुइमंगलं च काऊण, कालं संपडिलेहए।।

कायोत्सर्ग को समाप्त कर गुरु को वन्दना करे। फिर स्तुति-मगल२६करके काल की प्रतिलेखना करे।

४३. पढमं पोरिसिं सज्झायं, बीयं झाणं झियायई।

तइयाए निद्दमोक्खं तु, सज्झायं तु चउत्थिए।।

प्रथम प्रहर में स्वाध्याय, दूसरे में ध्यान, तीसरे में नींद और चौथे में पुन: स्वाध्याय करे।

४४. पोरिसीए चउत्थीए, कालं तु पडिलेहिया।

सज्झायं तओ कुज्जा, अबोहेंतो असंजए।।

चौथे प्रहर के काल की प्रतिलेखना कर असंयत व्यक्तियों को न जगाता हुआ स्वाध्याय करे।

४५. पोरिसीए चउब्भाए, वंदिऊण तओ गुरुं।

पडिक्कमित्तु कालस्स, कालं तु पडिलेहए।।

चौथे प्रहर के चतुर्थ भाग में गुरु को वन्दना कर, काल का प्रतिक्रमण कर (स्वाध्याय-काल से निवृत्त होकर) काल की प्रतिलेखना करे।

४६. आगए कायवोस्सग्गे, सव्वदुक्खविमोक्खणे।

काउस्सग्गं तओ कुज्जा, सव्वदुक्खविमोक्खणं।।

सर्व दु:खों से मुक्त करने वाला काय-व्युत्सर्ग (कायोत्सर्ग) का समय आने पर सर्व दु:खों से मुक्त करने वाला कायोत्सर्ग करे।

४७. राइयं च अईयारं, चिंतिज्ज अणुपुव्वसो।

नाणंमि दंसणंमी, चरित्तंमि तवम्मि य।।

ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप सम्बन्धी रात्रिक अतिचार का अनुक्रम से चिन्तन करे।

४८. पारियकाउस्सग्गो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

राइयं तु अईयारं, आलोएज्ज जहक्कमं।।

कायोत्सर्ग को समाप्त कर, गुरु को वंदना करे। फिर अनुक्रम से रात्रिक अतिचार की आलोचना करे।

४९. पडिक्कमित्तु निस्सल्लो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

काउस्सग्गं तओ कुज्जा, सव्वदुक्खविमोक्खणं।।

प्रतिक्रमण से नि:शल्य होकर गुरु को वंदना करे, फिर सर्व दु:खों से मुक्त करने वाला कायोत्सर्ग करे।

५०. किं तवं पडिवज्जामि, एवं तत्थ विचिंतए।

काउस्सग्गं तु पारित्ता, वंदई य तओ गुरुं।।

मैं कौन-सा तप ग्रहण करुं२७—कायोत्सर्ग में ऐसा चिन्तन करे। कायोत्सर्ग को समाप्त कर, गुरु को वन्दना करे।

५१. पारियकाउस्सग्गो, वंदित्ताण तओ गुरुं।

तवं संपडिवज्जेत्ता, करेज्ज सिद्धाण संथवं।।

कायोत्सर्ग पारित होने पर मुनि गुरु को वंदना करे। फिर तप को स्वीकार कर सिद्धों का संस्तव२८ (स्तुति) करे।

५२. एसा सामायारी, समासेण वियाहिया।

जं चरित्ता बहू जीवा, तिण्णा संसारसागरं।।

यह सामाचारी मैंने संक्षेप में कही है। इसका आचरण कर बहुत से जीव संसार-सागर को तर गए।

—ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २६ : सामाचारी

१. (श्‍लोक १-७)

दस समाचारी का वर्णन भगवती (२५/५५५), स्थानाङ्ग (१०/१०२) और आवश्यक निर्युक्ति में भी है। उत्तराध्ययन में सामाचारी का क्रम उनसे भिन्न है। उनकी प्रथम तीन समाचारियों को यहां छठा, सातवां और आठवां स्थान प्राप्त है। नौवें सामाचारी का नाम भी भिन्न है। भगवती आदि में उसका नाम 'निमंत्रण' है। यहां उसका नाम 'अभ्युत्थान' है।

आवश्यक निर्युक्ति मे सामाचारी तीन प्रकार की बतलाई गई है—(१) ओघ सामाचारी, (२) दस-विध सामाचारी और (३) पद-विभाग सामाचारी।

'ओघ सामाचारी' का प्रतिपादन ओघनिर्युक्ति में है। उसके सात द्वार हैं—(१) प्रतिलेखन, (२) पिण्ड, (३) उपधिप्रमाण, (४) अनायतन (अस्थान) वर्जन, (५) प्रतिसेवन—दोषाचरण, (६) आलोचना और (७) विशोधि।

'पद-विभाग समाचारी' छेद सूत्रों में कथित विषय है। 'दस-विध सामाचारी' का वर्णन इस अध्ययन में है। वह इस प्रकार है—

आवश्यकी, नैषेधिकी

सामान्य विधि यह है कि मुनि जहां ठहरा हो उस उपाश्रय से बाहर न जाए। विशेष विधि के अनुसार आवश्यक कार्य होने पर वह उपाश्रय से बाहर जा सकता है। किन्तु बाहर जाते समय सामाचारी का ध्यान रखते हुए वह आवश्यकी करे—आवश्यकी का उच्चारण करे। 'आवश्यक कार्य के लिए बाहर जा रहा हूं'—इसे निरन्तर ध्यान में रखे, अनावश्यक कार्य में प्रवृत्ति न करे। आवश्यकी का प्रतिपक्ष शब्द है नैषेधिकी। कार्य से निवृत्त होकर जब वह स्थान में प्रवेश करे तो नैषेधिकी का उच्चारण करे। मैं आवश्यक कार्य से निवृत्त हो चुका हूं, अब मैं प्रवृत्ति के समय कोई अकरणीय कार्य हुआ हो इसका निषेध करता हूं, उससे अपने आपको दूर करता हूं'—इस भावना के साथ वह स्थान में प्रवेश करता है। यह साधुओं के गमनागमन की सामाचारी है। गमन और आगमन काल में उसका लक्ष्य अबाधित रहे, इसका इन दो सामाचारियों में सम्यक् चिन्तन है।

आपृच्छा, प्रतिपृच्छा

सामान्य विधि यह है कि उच्छ्वास और नि:श्‍वास के सिवाय शेष सब कार्यों के लिए गुरु की आज्ञा लेनी चाहिए।

यहां आज्ञा के दो स्थान बतलाए गए हैं—स्वयंकरण, परकरण।

प्रथम प्रवृत्ति को 'स्वयंकरण' तथा अपर प्रवृत्ति को 'परकण' कहा जाता है। स्वयंकरण के लिए आपृच्छा (प्रथम बार पूछने) तथा परकरण के लिए प्रतिपृच्छा (पुन: पूछने) का विधान है।

आवश्यक निर्युक्ति के अनुसार प्रथम बार या द्वितीय बार किसी भी प्रवृत्ति के लिए गुरु से आज्ञा प्राप्त करने को 'आपृच्छा' कहा जाता है। प्रयोजनवश पूर्व-निषद्ध कार्य करने की आवश्यकता होने पर गुरु से उसकी आज्ञा प्राप्त करने को 'प्रतिपृच्छा' कहा जाता है। गुरु के द्वारा किसी कार्य पर नियुक्त किए जाने पर उसे प्रारम्भ करते समय पुन: गुरु की आज्ञा लेनी चाहिए—यह भी प्रतिपृच्छा का आशय है।

छन्दना, अभ्युत्थान

मुनि को भिक्षा में जो प्राप्त हो उसके लिए अन्य साधुओं को निमंत्रित करना चाहिए तथा जो आहार प्राप्त न हो उसे लाने जाए तब दूसरे साधुओं से पूछना चाहिए—'क्या मैं आपके लिए भोजन लाऊं?' इन दोनों सामाचारियों को 'छन्दना' और 'अभ्युत्थान' कहा जाता है। अभ्युत्थान के अर्थ में निमंत्रण का भी प्रयोग किया जाता है।

इच्छाकार

संघीय व्यवस्था में परस्पर सहयोग लिया-दिया जाता है, किन्तु वह बल-प्रेरित न होकर इच्छा-प्रेरित होना चाहिए। औत्सर्गिक-विधि के अनुसार बल प्रयोग सर्वथा वर्जित है। बड़ा साधु छोटे साधु से और छोटा साधु बड़े साधु से कोई काम कराना चाहे तो उसे 'इच्छाकार' का प्रयोग करना चाहिए—'यदि आपकी इच्छा हो तो मेरा काम आप करें', ऐसा कहना चाहिए। आपवादिक मार्ग में आज्ञा और बलाभियोग का व्यवहार भी किया जा सकता है।

मिथ्याकार

साधक के द्वारा भूल होना सम्भव है किन्तु अपनी भूल का भान होते ही उसे 'मिथ्याकार' का प्रयोग करना चाहिए। जो दुष्कृत को मिथ्या मानकर उससे निवृत्त होता है, उसी का दुष्कृत मिथ्या होता है।

तथाकार

जो मुनि कल्प और अकल्प को जानता है, महाव्रत में स्थित होता है, उसे 'तथाकार' का प्रयोग करना चाहिए। गुरु जब सूत्र पढाएं, सामाचारी आदि का उपदेश दें, सूत्र का अर्थ बताएं अथवा कोई बात कहें तब तथाकार का प्रयोग करना चाहिए—'आप जो कहते हैं वह अवितथ है—सच है' यों कहना चाहिए।

उपसंपदा

प्राचीन काल में साधुओं के अनेक गण थे। किन्तु व्यवस्था की दृष्टि से एक गण का साधु दूसरे गण में नहीं जा सकता था। इसके कुछ अपवाद भी थे आपवादिक-विधि के अनुसार तीन कारणों से दूसरे गण में जाना विहित था। दूसरे गण में जाने को उपसंपदा कहा जाता था। ज्ञान की वर्तना (पुनरावृत्ति या गुणन), संधान (त्रुटित ज्ञान को पूर्ण करने) और ग्रहण (नया ज्ञान प्राप्त करने) के लिए जो उपसंपदा स्वीकार की जाती उसे 'ज्ञानार्थ उपसंपदा' कहा जाता था। इसी प्रकार दर्शन की वर्त्तना (स्थिरीकरण), संधान और दर्शन विषयक शास्त्रों के ग्रहण के लिए जो उपसंपदा स्वीकार की जाती, उसे 'दर्शनार्थ उपसंपदा' कहा जाता था। वैयावृत्त्य और तपस्या की विशिष्ट आराधना के लिए जो उपसंपदा स्वीकार की जाती, उसे 'चारित्रार्थ' कहा जाता था।

२. (पुव्विल्लंमि चउब्भाए आइच्चंमि समुट्ठिए)

'पुव्विल्लंमि चउब्भाए' यह आठवें तथा इक्कीसवें—दोनों श्‍लोकों का प्रथम चरण है। शान्त्याचार्य ने आठवें श्‍लोक की व्याख्या में इसका अर्थ 'पौन-पौरुषी' तथा इक्कीसवें की व्याख्या में इसका अर्थ 'प्रथम प्रहर' किया है। किन्तु बाईसवें श्‍लोक में पात्र-प्रतिलेखना का निर्देश है, वहां पौन-पौरुषी के लिए 'पोरिसीए चउब्भाए' पाठ है और इक्कीसवें श्‍लोक में जहां वस्त्र-प्रतिलेखना का निर्देश है, वहां 'पुव्विल्लंमि चउब्भाए' पाठ है। अत: आठवें श्‍लोक में वस्त्र-प्रतिलेखना का ही निर्देश होना चाहिए। स्वाध्याय या वैयावृत्त्य का निर्देश वस्त्र-प्रतिलेखना के पश्‍चात् आचार्य से लिया जाता है।

शान्त्याचार्य ने 'पुव्विल्लंमि चउब्भाए' का वैकल्पिक अर्थ 'प्रथम-प्रहर' तथा 'भंडयं-पडिलेहित्ता' का अर्थ 'वस्त्र-प्रतिलेखना' किया है।१ इक्कीसवें श्‍लोक के संदर्भ में यह वैकल्पिक अर्थ ही संगत लगता है।

जयाचार्य के अनुसार दिन के प्रथम चतुर्थ भाग का अर्थ 'प्रथम-प्रहर का प्रथम चतुर्थ भाग' है। साधारणतया यह कालमान सर्योदय के २ घड़ी (४८ मिनट) तक का है। ३ घंटा १२ मिनट का प्रहर होने से ४८ मिनट का कालमान पूरा चौथा भाग होता है। जब दिन का प्रहर ३ घंटा ३० मिनट का होता है, उस समय चौथा भाग ५२ १/३ मिनट का होता है। उस समय ४८ मिनट चौथे भाग से कुछ कम होता है।

जयाचार्य का अभिप्राय उत्तरवर्ती साहित्य और परम्परा पर आधारित है। प्राचीन परम्परा के अनुसार वस्त्र-प्रतिलेखना सूर्योदय के साथ समाप्त हो जाती थी। इसीलिए शान्त्याचार्य ने लिखा है कि बहुत प्रकाश होने से सूर्य के अनुत्थान या अनुदय को ही उत्थान या उदय कहा गया है।

ओघनिर्युक्ति में प्रभातकालीन प्रतिलेखना-काल के चार अभिमतों का उल्लेख मिलता है—

(१) सूर्योदय का समय—प्रभास्फाटन का समय।

(२) सूर्योदय के पश्‍चात्—प्रभास्फाटन होने के पश्‍चात्।

(३) परस्पर जब मुख दिखाई दे।

(४) जिस समय हाथ की रेखा दिखाई दे।

ये अनादेश माने गए हैं। निर्णायक पक्ष यह है कि प्रतिक्रमण के पश्‍चात्—

(१) मुख-वस्त्रिका, (२) रजोहरण, (३,४) दो निषधाएं—एक सूत्र की आभ्यन्तर निषद्या और दूसरी बाहरी पाद-प्रोञ्छन, (५) चोलट्टक, (६-८) तीन उत्तरीय, (९) संस्तारक पट्ट और (१०) उत्तर-पट्ट की प्रतिलेखना के अनन्तर ही सूर्योदय हो जाए, वह उस (प्रतिलेखना) का काल है। बहुमान्य अभिमत यही रहा है।

३. भाण्ड-उपकरणों की (भंडयं)

पौन-पौरुषी की प्रतिलेखना के प्रकरण में 'भण्डक' का अर्थ 'पात्र आदि उपकरण' तथा प्रभातकालीन प्रतिलेखना के प्रकरण में उनका अर्थ 'पछेवड़ी आदि उपकरण' होता है।

४. प्रतिलेखना करे (पडिलेहित्ता)

प्रतिलेखना और प्रमार्जना ये दोनों परस्पर संबंधित हैं। जहां प्रतिलेखना का निर्देश होता है, वहां प्रमार्जना स्वयं आ जाती है और जहां प्रमार्जना का निर्देश होता है, वहां प्रतिलेखना स्वयं प्राप्त होती है। प्रतिलेखना का अर्थ है 'दृष्टि से देखना' और प्रमार्जन का अर्थ है 'झाड़कर साफ करना।' पहले प्रतिलेखना और तत्पश्‍चात् प्रमार्जना की जाती है।

प्रतिलेखनीय

शरीर (खड़े होते, बैठते और सोते समय), उपाश्रय, उपकरण, स्थण्डिल (मल-मूत्र के परिष्ठापना की भूमि), अवष्टम्भ और मार्ग—ये प्रतिलेखनीय हैं—इनकी प्रतिलेखना की जाती है। उपकरण-प्रतिलेखना दो प्रकार की होती है—(१) वस्त्र- प्रतिलेखना और (२) पात्र-प्रतिलेखना। पात्र-प्रतिलेखना का क्रम और विधि तेईसवें श्‍लोक में प्रतिपादित है। वस्त्र-प्रतिलेखना की विधि चौबीस से अठाईसवें श्‍लोक तक प्रतिपादित है। ओघनिर्युक्ति मे गाथा २८८ से २९५ (पत्र ११७-११९) तक पात्र-प्रतिलेखना का विवरण है और गाथा २६४ से २६९ (पत्र १०८-१११) तक वस्त्र-प्रतिलेखना का विवरण है।

प्रतिलेखना-काल

वस्त्र-प्रतिलेखना के दो काल हैं—पूर्वाह्न (प्रथम-प्रहर) और अपराह्न (चतुर्थ-प्रहर)। पात्र-प्रतिलेखना का काल भी यही है। काल-भेद से प्रतिलेखना के तीन काल हो जाते हैं—

(१) प्रभात, (२) अपराह्न—तीसरे प्रहर के पश्‍चात् और (३) उद्घाट-पौरुषी—पौन-पौरुषी।

मुख-पोतिका आदि दस उपकरणों का प्रतिलेखना-काल प्रभात समय (प्रतिक्रमण के पश्‍चात्—सूर्योदय से पूर्व) है। तीसरा प्रहर बीतने पर चौदह उपरकणों की प्रतिलेखना का समय आता है। चौदह प्रतिलेखनीय उपकरणों का विवरण निम्‍न प्रकार पाया जाता है :

ओघनिर्युक्तिप्रवचनसारोद्धार
(१) पात्र(१) मुख-पोतिका
(२) पात्र-बंध(२) चोलपट्टक
(३) पात्र-स्थापन(३) गोच्छग
(४) पात्र-केसरिका(४) पात्र-प्रतिलेखनिका
(५) पटल (५) पात्र-बंध
(६) रजस्त्राण(६) पटल
(७) गुच्छग(७) रजस्त्राण
(८-१०) तीन पछेवड़ी(८) पात्र-स्थापन
(११) रजोहरण(९) मात्रक
(१२) मुख-वस्त्रिका(१०) पात्र
(१३) मात्रक(११) रजोहरण
(१४) चोलपट्टक(१२-१४) तीन पछेवड़ी।

पौन-पौरुषी के समय ७ उपकरणों की प्रतिलेखना की जाती थी। वे उपकरण ये हैं

ओघनिर्युक्तिप्रवचनसारोद्धार
(१) पात्र(१) मुख-पोतिका
(२) पात्र-बंध(२) गोच्छग
(३) पात्र-स्थापन(३) पटल
(४) पात्र-केसरिका(४) पात्र-केसरिका
(५) पटल(५) पात्र-बंध
(६) रजस्त्राण(६) रजस्त्राण
(७) गुच्छग(७) पात्र-स्थापन।

५. उत्तर गुणों (स्वाध्याय आदि) की (उत्तरगुणे)

पांच महाव्रत मूलगुण हैं। स्वाध्याय, ध्यान आदि उनकी अपेक्षा उत्तरगुण कहलाते हैं। उत्तरगुण का सामान्य काल-विभाग इस प्रकार बतलाया गया है।

प्रथम प्रहर में—स्वाध्याय।

द्वितीय प्रहर में—ध्यान—पढ़े हुए विषय का अर्थ-चिन्तन अथवा मानसिक एकाग्रता का अभ्यास।

तीसरे प्रहर में—भिक्षाचारी, उत्सर्ग आदि।

चतुर्थ प्रहर में—फिर स्वाध्याय।

यह दिनचर्या की स्थूल रूपरेखा है। इसमें मुख्य कार्यों का निर्देश किया गया है। प्रतिलेखना, वैयावृत्त्य आदि आवश्यक विधियों का इसमें उल्लेख नहीं है। प्रतिलेखना का उल्लेख २१-२२वें श्‍लोक में स्वतंत्र-रूप से किया गया है।

यह विभाग उस समय का है जब आगम—सूत्र लिखित नहीं थे। उन्हें कंठस्थ रखने के लिए अधिक समय लगाना होता था। संभवत: इसीलिए प्रथम और चतुर्थ प्रहर में स्वाध्याय की व्यवस्था की गई। इन्हें 'सूत्र-पौरुषी' भी कहा जाता था। दूसरे प्रहर में अर्थ समझा जाता था। इसीलिए उसे 'अर्थ-पौरुषी' कहा जाता था। जब भिक्षुओं के लिए एक वक्त भोजन—एक बार खाने की व्यवस्था थी तब भिक्षा के लिए तीसरा प्रहर ही सर्वाधिक उपयुक्त था और उस समय जनता के भोजन का समय भी संभवत: यही था। कुछ आचार्यों के अभिमत में यह अभिग्रहधारी भिक्षुओं की विधि है। अठारहवें श्‍लोक में कथित नींद लेने की विधि से तुलना करने पर उक्त अभिमत संगत लगता है।

छेद-सूत्रों द्वारा प्रथम एवं चरम प्रहर की भिक्षा का भी समर्थन होता है। ओघनिर्युक्ति में आपवादिक-विधि के अनुसार दो-तीन बार की भिक्षा का विधन मिलता है। यह भी हो सकता है कि ये आपवादिक-विधियां छेद-सूत्रों की रचना-काल में मान्य हुई हों।

ओघनिर्युक्ति के अनुसार नींद लेने की विधि विभिन्न व्यक्तियों की अपेक्षा से इस प्रकार है—प्रथम और चतुर्थ प्रहर में सब साधु स्वाध्याय करते हैं, बिचले दो प्रहरों में नींद लेते हैं। वृषभ-साधु दूसरे में भी जागते हैं, वे केवल तीसरे प्रहर ही सोते हैं। आचार्य तीसरे प्रहर में स्वाध्याय करते हैं।

शयन-विधि के इन विभिन्न प्रकारों को देखते हुए इसी निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि तीसरे प्रहर में सोने की विधि या तो किसी विशिष्ट साधु-वर्ग के लिए है या ओघनिर्युक्ति का विधान पूर्वकालीन नहीं है।

शयन-विधि के इन विभिन्न प्रकारों को देखते हुए इसी निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि तीसरे प्रहर में सोने की विधि या तो किसी विशिष्ट साधु-वर्ग के लिए है या ओघनिर्युक्ति का विधान पूर्वकालीन नहीं है।

मुनि के लिए सोने की निर्युक्ति-कालीन-विधि इस प्रकार है—

पहला प्रहर पूरा बीतने पर गुरु के पास जाए। ''इच्छामि खमासमणो वंदिउं जावणिज्जाए निसीहियाए मत्थएण वंदामि, खमासमणा। बहु पडिपुण्णा पोरिसी अणुज्जाणह राइसंसारयं''—यह पाठ बोल कर सोने की आज्ञा मांगे। फिर प्रस्रवण करे। जहां सोने का स्थान हो वहां जाए। उपकरणों पर जो डोर बांधी हुई हो उसे खोले। संस्तार-पट्ट और उत्तर-पट्ट का प्रतिलेखन कर उन्हें उरु (साथल) पर रख दे। फिर सोने की भूमि का प्रतिलेखन और प्रमार्जन करे। वहां संस्तार-पट्ट बिछाए, उस पर उत्तर-पट्ट बिछाएं। मुख-वस्त्रिका से उपरले शरीर का और रजोहरण से निचले शरीर का प्रमार्जन करे। उत्तरीय वस्त्र को बाएं पार्श्‍व में रख दे। बिछौने पर बैठता हुआ पास में बैठे हुए ज्येष्ठ साधुओं की आज्ञा ले, फिर तीन बार सामायिक पाठ का उच्चारण कर सोए। बांह का सिरहाना करे। बाएं पार्श्‍व से सोए। पैर पसारे तब मुर्गी की भांति पहले आकाश में पसारे, वैसे न रह सके तब भूमि का प्रमार्जन कर पैर नीचे रख दे। पैरों को समेटे तब उरु-संधि का प्रमार्जन करे।

६. प्रहर (पोरिसि)

पौरुषी के प्रकरण में 'पुरुष' शब्द के दो अर्थ हैं—

(१) पुरुष-शरीर और शंकु। पुरुष के द्वारा उसका माप होता है, इसलिए उसे 'पौरुषी' कहा जाता है। शंकु २४ अंगुल प्रमाण का होता है और पैर से जानु तक प्रमाण भी २४ अंगुल होता है। जिस दिन वस्तु की छाया उसके प्रमाणोपेत होती है, वह दिन दक्षिणायन का प्रथम दिन होता है। युग के प्रथम वर्ष (सूर्य-वर्ष) के श्रावण बदी १ को शंकु की छाया शंकु के प्रमाण २४ अंगुल पड़ती है। १२ अंगुल प्रमाण का एक पाद होने से शंकु की छाया दो पाद होती है।

युग के प्रथम सूर्य-वर्ष में श्रावण बदी १ को दो पग प्रमाण छाया होती है और माघ बदी ७ को चार पग प्रमाण।

दूसरे चन्द्र-वर्ष में श्रावण बदी १३ से वृद्धि प्रारम्भ और माघ सुदी ४ से हानि प्रारम्भ।

तीसरे वर्ष में श्रावण सुदी १० से वृद्धि प्रारम्भ और माघ बदी १ से हानि प्रारम्भ।

चौथे वर्ष में श्रावण बदी ७ से वृद्धि प्रारम्भ और माघ बदी १३ से हानि प्रारम्भ।

पांचवें वर्ष में श्रावण सुदी से वृद्धि प्रारम्भ और माघ सुदी १० से हानि प्रारम्भ।

पौरुषी का कालमान

पौरुषी का कालमान एक नहीं है। वह एक दिन सापेक्ष होता है। जब दिन का कालमान बढ़ता है तब पौरुषी का कालमान भी बढ़ता है। दिन का कालमान घटने से वह भी घट जाता है। दिन का १/४भाग पौरुषी (प्रहर) होता है। दिन का कालमान जघन्य १२ मुहूर्त्त का होता है और उत्कृष्ट में १८ मुहूर्त्त का। इसलिए प्रहर का कालमान जघन्य १२ ÷ ४=३ मुहूर्त्त का उत्कृष्ट में १८ ÷ ४ = ४१/४मुहूर्त्त का होता है।

प्रतिदिन१/१२२मुहूर्त पौरुषी बढ़ती व घटती है। और एक अयन में १८३ अहोरात्र होते हैं। इसलिए एक अयन में १८३×१=३/२ =११/२ मुहूर्त कालमान बढ़ता है। जघन्य ३+११/२ =४१/२ मुहूर्त्त।

पौरुषी का उत्कृष्ट कालमान एक अयन में ४१/२ ही होगा। दिन की पौरुषी बढ़ने से रात्रि की पौरुषी घटती है। जब दिन की पौरुषी ४१/२ मुहूर्त्त की होती है तब रात्रि की पौरुषी का कालमान तीन मुहूर्त्त का होता है। रात्रि की पौरुषी ४१/२ मुहूर्त की होती है तब दिन की पौरुषी का कालमान तीन मुहूर्त का होता है।

७. (श्‍लोक १३)

एक वर्ष में दो अयन होते हैं—(१) दक्षिणायन और (२) उत्तरायण। दक्षिणायन श्रावण मास में प्रारम्भ होता है और उत्तरायण माघ मास में।

एक मास छाया ४ अंगुल प्रमाण बढ़ती है। उत्तरायण के प्रथम दिन वह ४ पाद प्रमाण हो जाती है। उत्तरायण के बाद वह उसी क्रम में घटती हुई दक्षिणायन के प्रथम दिन तक वापस दो पाद प्रमाण हो जाती है। इस गणित से चैत्र और आश्‍विन में तीन पाद प्रमाण छाया होती है।

१२ मास की पौरुषी छाया का प्रमाण

समयपाद-अंगुल
आषाढ़ पूर्णिमा२-०
श्रावण पूर्णिमा२-४
भाद्रपद पूर्णिमा२-८
आश्‍विन पूर्णिमा३-०
कार्तिक पूर्णिमा३-४
मृगसर पूर्णिमा३-८
पौष पूर्णिमा४-०
माघ पूर्णिमा३-८
फाल्गुन पूर्णिमा३-४
चैत्र पूर्णिमा३-०
वैशाख पूर्णिमा२-८
ज्येष्ठ पूर्णिमा२-४

८. (श्‍लोक १४)

सात दिनों में एक अंगुल, पक्ष में दो अंगुल और मास में चार अंगुल प्रमाण छाया को बढ़ना माना है, यह व्यवहार या स्थूल-दृष्टि से है। यहां पूर्ण दिन ग्रहण किया है। शेष दिन की विवक्षा नहीं की है। जयाचार्य ने इसी भाव को स्पष्ट करते हुए उत्तराध्ययन की जोड़ में लिखा है—''सात दिनों में दो पग से एक अंगुल अधिक छाया तब बढ़ती है जब पक्ष १४ दिनों का हो। यदि पक्ष १५ दिनों का हो तो ७१/२ दिन-रात में एक अंगुल छाया बढ़ती जाती है।''

सूर्य-वर्ष के एक अयन में १८३ अहोरात्र होते हैं। एक अयन में दो पाद अर्थात् २४ अंगुल छाया बढ़ने से एक अहोरात्र में २४/१८३ अंगुल बढ़ती है। एक अंगुल छाया बढ़ने में उसे १८३/२४ अर्थात् ७५/८ दिन लगते हैं। ओघनिर्युक्ति में भी एक दिन में अंगुल के सातवें भाग से कम वृद्धि मानी है। ज्योतिष्करण्डक में एक तिथि में ४/३१ अंगुल प्रमाण छाया बढ़ती हुई मानी गई है। लोक-प्रकाश में और ज्योतिष्करण्डक के फलित में कोई अन्तर नहीं है केवल विवक्षा का भेद है। पहले में अहोरात्र की अपेक्षा से है और दूसरे में तिथि की अपेक्षा से। अहोरात्र की उत्पत्ति सूर्य से होती है और तिथि की उत्पत्ति चन्द्रमा से।

६१ अहोरात्र से ६२ तिथियां होती है। ६२ तिथियों में ६१ अहोरात्र होने से एक ६१/६२ तिथि में अहोरात्र होते हैं। प्रत्येक अहोरात्र में अगली तिथि का १/६२ भाग प्रवेश करता है। अत: ६१वें अहोरात्र में ६२वीं तिथि समा जाती है।

१ अहोरात्र में ८/६१ अंगुल प्रमाण छाया बढ़ती है। इसलिए ६१ अहोरात्र में ८/६१×६१ = ८ अंगुल।

१ तिथि में ४/३१ अंगुल प्रमाण छाया बढ़ती है इसलिए ६२ तिथियों में ४/३१×६२ = ८ अंगुल।

इस प्रकार ८ अंगुल छाया बढ़ने में ६१ अहोरात्र या ६२ तिथियों का कालमान लगता है। ६१ अहोरात्र ६२ तिथियों के समान होने से दोनों के फलित होने में कोई अन्तर नहीं है।

९ (श्‍लोक १५)

साधारणतया एक मास में ३० अहोरात्र होते हैं और एक पक्ष में १५ अहोरात्र। किन्तु आषाढ़, भाद्रपद, कार्तिक, पौष, फाल्गुन और वैशाख मास के कृष्ण पक्ष में १ अहोरात्र कम होता है। अत: इनका पक्ष १४ अहोरात्र का ही होता है। एक वर्ष में ६ रात्रियां अवम होती है। लोकप्रकाश में भी ऐसा माना है। इसका कारण यह है कि एक अहोरात्र के कालमान से १/६२ भाग कम तिथि का कालमान है अर्थात् ६१/६२ अहोरात्र में एक तिथि पूरी होती है। इस प्रकार ६१ अहोरात्र में ६२ तिथियां होती है। प्रत्येक अहोरात्र में अगली तिथि का १/६२ भाग प्रवेश करता है। अत: ६१ वें अहोरात्र में ६२वी तिथि समा जाती है। इस गणित से ३६६ अहारोत्रों में ६ तिथियां क्षय हो जाती है।

लौकिक व्यवहार के अनुसार वर्षा ऋतु का प्रारम्भ आषाढ़ मास में होता है। इसे प्रधानता देकर ६१वें अहोरात्र अर्थात् भाद्रव कृष्ण पक्ष

१०. (श्‍लोक १६)

पौरुषी के बाद अर्थात् १/४ भाग कम को पादोन-पौरुषी कहते हैं। पौरुषी की छाया में यंत्र निर्दिष्ट अंगुल जोड़ने से पादोन-पौरुषी की छाया का मान होता है। सरलता के लिए १२ महीनों के तीन-तीन मास के चार त्रिक किए गए हैं—

पहला त्रिक—ज्येष्ठ, आषाढ़ और श्रावण।

दूसरा त्रिक—भाद्रव, आसोज और कार्तिक।

लोकप्रकाश में युग के प्रथम वर्ष के प्रथम मास श्रावण को प्रधान माना है। उसके अनुसार आसोज, मृगसर, माघ, चैत्र, ज्येष्ठ और श्रावण में तिथि का क्षय माना है। इस प्रकार ६१-६१ अहोरात्र में होने वाला तिथि-क्षय भाद्रव, कार्तिक, पौष, फाल्गुन और वैशाख मास में होता है। ज्योतिष्करण्डक में भी वर्षा ऋतु का प्रारम्भ आषाढ़ मास से मानकर तिथि-क्षय का वर्णन है।

मास में तिथि-क्षय होता है। युग के पांचों वर्षों का यंत्र इस प्रकार है—

तीसरा त्रिक—मृगसर, पौष और माघ।

चतुर्थ त्रिक—फाल्गुन, चैत्र और वैशाख।

प्रथम त्रिक के मासों के पौरुषी प्रमाण में ६ अंगुल जोड़ने से उन मासों के पादोन-पौरुषी का छाया-प्रमाण होता है। इसी प्रकार दूसरे त्रिक के मासों में ८ अंगुल, तीसरे त्रिक के मासों में १० अंगुल और चौथे त्रिक के मासों में ८ अंगुल बढ़ाने से उन-उन मासों का पादोन-पौरुषी छाया-प्रमाण आता है। यंत्र इस प्रकार है—

यह श्लोक ओघनिर्युक्ति में ज्यों का त्यों प्राप्त है।

११. ज्येष्ठ (जेट्ठामूले)

प्रस्तुत श्‍लोक के 'जेट्ठामूले' शब्द में दो नक्षत्रों का योग है—ज्येष्ठा और मूल। जो नक्षत्र चन्द्रमा को निशा के अन्त तक पहुंचाता है, वह जब आकाश के चतुर्थ भाग में आता है, उस समय प्रथम पौरुषी का कालमान होता है। इसी प्रकार वह नक्षत्र जब सम्पूर्ण क्षेत्र का अवगाहन कर लेता है, तब चारों प्रहर बीत जाते हैं।

जो नक्षत्र पूर्णिमा को उदित होता है और चन्द्रमा को रात्रि में अन्त तक पहुंचाता है, उसी नक्षत्र के नाम पर महीनों के नाम रखे गए हैं। श्रावण और ज्येष्ठ मास इसके अपवाद हैं। जम्बूद्वीप प्रज्ञप्ति में इसका स्पष्ट व विस्तृत वर्णन है।

श्रावण मास को ४ नक्षत्र पार लगाते हैं—

उत्तरषाढा नक्षत्र १४ दिन रात।

अभिजित् नक्षत्र ७ दिन-रात।

श्रवणा नक्षत्र ८ दिन-रात।

धनिष्ठा नक्षत्र १ दिन-रात।

भाद्रव मास को ४ नक्षत्र—

धनिष्ठा १५ दिन-रात।

शतभिषग् ७ दिन-रात।

पूर्वभाद्रपद ८ दिन-रात।

उत्तरभाद्रपद १ दिन-रात।

आसोज मास को ३ नक्षत्र—

उत्तरभाद्रपद १४ दिन-रात।

रेवति १५ दिन-रात।

अश्‍विनी १ दिन-रात।

कार्तिक मास को ३ नक्षत्र—

अश्‍विनी १४ दिन-रात।

भरणी १५ दिन-रात।

कृत्तिका १ दिन-रात।

मृगसर मास को ३ नक्षत्र—

कृत्तिका १४ दिन-रात।

रोहिणी १५ दिन-रात।

मृगसिर १ दिन-रात।

पौष मास को ४ नक्षत्र—

मृगसिर १४ दिन-रात।

आर्द्रा ८ दिन-रात।

पुनर्वसु ७ दिन-रात।

पुष्य १ दिन-रात।

माघ मास को ३ नक्षत्र—

पुष्य १४ दिन-रात।

अश्‍लेषा १५ दिन-रात।

मघा १ दिन-रात।

फाल्गुन मास को ६ नक्षत्र—

मघा १४ दिन-रात।

पूर्वफाल्गुनी १५ दिन-रात।

उत्तरफाल्गुनी १ दिन-रात।

चैत्र मास को ३ नक्षत्र—

उत्तरफाल्गुनी १४ दिन-रात।

हस्त १५ दिन-रात।

चित्रा १ दिन-रात।

वैशाख मास को ३ नक्षत्र—

चित्रा १४ दिन-रात।

स्वाति १५ दिन-रात।

विशाखा १ दिन-रात।

ज्येष्ठ मास को ४ नक्षत्र—

विशाखा १४ दिन-रात।

अनुराधा ८ दिन-रात।

ज्येष्ठा ७ दिन-रात

मूल १ दिन-रात।

आषाढ़ मास को ३ नक्षत्र—

मूल १४ दिन-रात।

पूर्वाषाढ़ा १५ दिन-रात।

उत्तराषाढ़ा १ दिन-रात।

१२. नींद (निद्दमोक्खं)

इसका अर्थ है—जो नींद अमुक समय तक निरुद्ध थी, उसे मुक्त करना—नींद लेना, सोना।

प्राचीन विधि के अनुसार रात्री के पहले प्रहर में सभी मुनि स्वाध्याय में बैठ जाते थे। जब दूसरा प्रहर प्रारम्भ होता तब अन्यान्य मुनि सो जाते, केवल गीतार्थ और वृषभ साधु स्वाध्याय करते रहते। वे पहले और दूसरे—दोनों प्रहरों मे स्वाध्यायरत रहते थे। दूसरा प्रहर अतिक्रान्त होने तथा तीसरे प्रहर के प्रारम्भ में वे ही काल की प्रतिलेखना कर उपाध्याय को ज्ञापित कर आचार्य को जगाते। आचार्य स्वाध्याय में लग जाते और वे गीतार्थ तथा वृषभ मुनि सो जाते। तीसरे प्रहर के अतिक्रान्त होने पर तथा चौथे प्रहर के प्रारम्भ होने पर आचार्य सो जाते और शेष सोए हुए सभी साधुओं को जागृत कर दिया जाता और वे सभी वैरात्रिक स्वाध्याय में रत हो जाते।

वृद्ध, ग्लान, शैक्ष आदि इसके अपवाद थे। विस्तार के लिए देखें इस अध्ययन का टिप्पण-५।

१३. (श्‍लोक १९, २०)

इन दो श्‍लोंकों में नक्षत्र के आधार पर काल-ग्रहण की विधि बतलाई गई है। प्रत्येक रात्री का अपना एक नक्षत्र होता है। वह रात्री के प्रारम्भ से अन्त तक आकाश का अवगाहन करता है। मुनि आकाश के चार भाग करे। जब वह नक्षत्र आकाश के इन चार भागों में से एक भाग का अवगाहन कर लेता है, तब समझ लेना चाहिए कि रात्री का एक प्रहर बीत गया है। इसी प्रकार दूसरे-तीसरे और चौथे भाग की संपूर्ति पर दूसरा, तीसरा और चौथा प्रहर बीत जाता है। मुनि की दिन-चर्या का यह प्रमुख सूत्र है कि वह सब कार्य ठीक समय पर करे—'काले कालं समायरे' (दशवैकालिक ५।२।४)। जिस प्रकार वैदिक परम्परा में काल-विज्ञान का मूल यज्ञ है वैसे ही जैन-परम्परा में उसका मूल साधुओं की दिनचर्या है।

रात के चार भाग हैं—१. प्रादोषिक २. अर्धरात्रिक ३. वैरात्रिक ४. प्राभातिक।

प्रादोषिक और प्राभातिक—इन दो प्रहरों में स्वाध्याय किया जाता है। अर्द्धरात्रि में ध्यान और वैरात्रिक में शयन किया जाता है।

१४. (श्‍लोक २१, २२)

'पुव्विल्लंमि चउब्भाए' यहां 'आइच्चंमि समुट्ठिए' इतना शेष है।५ तथा 'पोरिसीए चउब्भाए' यहां 'अवशिष्यमाण' इतना शेष है। 'अपडिक्कमित्ता कालस्स' यहां कायोत्सर्ग किए बिना ही पात्र-प्रतिलेखना का विधान है। उसका तात्पर्य यह है कि चतुर्थ पौरुषी में फिर स्वाध्याय करना है। कायेात्सर्ग एक कार्य की समाप्ति पर ही किया जाता है।

१५. (श्‍लोक २३)

इस श्‍लोक में पात्र सम्बन्धी तीन उपकरणों (१) मुख-वस्त्रिका, (२) गोच्छग और (३) वस्त्र (पटल) का उल्लेख है। ओघर्निुक्ति मे पात्र सम्बन्धी सात उपकरणों का उल्लेख मिलता है—(१) पात्र (२) पात्र-बन्ध (३) पात्र-स्थापन, (४) पात्र-केशरिका, (५) पटल (६) रजस्त्राण और (७) गोच्छग।

इन्हें पात्र-निर्योग (पात्र-परिकर) कहा जाता है।२ पात्र को बांधने के लिए पात्र-बन्ध, उसे रज आदि से बचाने के लिए पात्र-स्थापन रखा जाता है। पात्र-केशरिका का अर्थ 'पात्र की मुख-वस्त्रिका' है। इसे पात्र की प्रतिलेखना की जाती है।

भिक्षाटन काल में स्कन्ध और पात्र को ढांकने के लिए तथा पुष्प-फल, रज-रेणु आदि से बचाव करने के लिए पटल रखा जाता है। चूहों तथा अन्य जीव-जन्तुओं, बरसात के पानी आदि से बचाव के लिए रजस्त्राण रखा जाता है। पटलों का प्रमार्जन करने के लिए गोच्छग होता है। इनमें पात्र-स्थापन और गोच्छग ऊन के तथा मुख-वस्त्रिका कपास की होती है।

ओघनिर्युक्ति में मुख-वस्त्रिका के अनेक प्रयोजन निर्दिष्ट हैं—(१) पात्र की प्रतिलेखना करने का वस्त्र, (२) बोलते समय संपातिम जीव मुंह में प्रवेश न कर जाएं, इस दृष्टि से मुंह पर रखने का वस्त्र, (३) सचित्त पृथ्वी तथा रेणुकण के प्रमार्जन के काम आने वाला वस्त्र, (४) वसतिका प्रमार्जन करते समय नाक और मुंह में रजकण प्रवेश न करे, इसलिए नाक और मुंह पर बांधने का वस्त्र।

इन प्रयोजनों के आधार पर कहा जा सकता है कि मुखवस्त्रिका एक वस्त्र खंड है, जो मुनिचर्या का एक उपकरण है।

दशवैकालिक ५।१।८३ में 'हत्थग' (हस्तक) शब्द आया है। वह भी शरीर का प्रमार्जन करने के लिए काम में आने वाला वस्त्र-खंड है। हस्तक, मुखवस्त्रिका और मुखान्तक—ये एकार्थक है।

१६. ऊकडू-आसन में बैठ, वस्त्र को ऊंचा रखे (उड्ढं...वत्थं)

वृत्तिकार ने इसका संबंध शरीर और वस्त्र—दोनों से माना है। शरीर से ऊर्ध्व अर्थात् ऊकडू आसन में स्थित तथा वस्त्र से ऊर्ध्व अर्थात् वस्त्र को तिरछा फैला कर। पुतों को ऊंचा रखकर पैरों के बल पर बैठना ऊकडू आसन है।

यहां 'वस्त्र' शब्द उत्तरीय आदि वस्त्र के अर्थ में प्रयुक्त है। इसके पहले २३वें श्‍लोक में जो वस्त्र शब्द है वह पात्र के उपकरण—पटल के अर्थ में प्रयुक्त है। इन सबके प्रतिलेखना का प्रकार एक जैसा ही है।

१७. वस्त्र के दृष्टि से अलक्षित विभाग न करे (अणाणुबंधि)

अनुबंध का अर्थ है—निरंतरता। जो निरंतरता से युक्त होता है वह अनुबंधि कहलाता है। जिस वस्त्र क प्रतिलेखन किया जा रहा है, उस पर निरंतरदृष्टि होनी चाहिए। अनानुबंधी का तात्पर्य है—वस्त्र का कोई भी भाग दृष्टि से अलक्षित न रहे।

१८. (श्‍लोक २४-२८)

२४वें श्‍लोक में प्रतिलेखना के तीन अंग बतलाए हैं—

(१) प्रतिलेखना—वस्त्रों को आंखों से देखना।

(२) प्रस्फोटना—झटकना।

(३) प्रमार्जना—प्रमार्जन करना, वस्त्र पर जीव-जन्तु हों, उन्हें हाथ में लेकर यतना-पूर्वक एकान्त में रख देना।

२५वें श्‍लोक में अनर्तित आदि छह प्रकार बतलाए गए हैं। वे स्थानांग (६।४६) के अनुसार अप्रमाद-प्रतिलेखन के प्रकार हैं। इनमें 'अमोसली' शब्द मुसल से उत्पन्न है। अनाज कूटते समय मुशल जैसे ऊपर, नीचे और तिरछे में जाता है वैसे वस्त्र को नहीं ले जाना चाहिए। 'पुरिम' (पूर्व) शब्द का रूढ़ अर्थ है—'वस्त्र के दोनों ओर तीन-तीन विभाग कर उसे झटकना।'

'खोटक का अर्थ है—स्फोटन 'प्रमार्जन'। वे प्रत्येक पूर्व में तीन-तीन बार किए जाते हैं। इस प्रकर एक भाग में नौ खोटक होते हैं, दोनों में अठारह।

२६वें श्‍लोक में आरभटा आदि छह प्रकार बतलाए हैं। वे स्थानांग (६।४५) के अनुसार प्रमाद प्रतिलेखना के प्रकार हैं। इनमें वेदिका के पांच प्रकार हैं—

(१) ऊर्घ्ववेदिका—दोनों जानुओं पर हाथ रखकर प्रतिलेखना करना।

(२) अधोवेदिका—दोनों जानुओं के नीचे हाथ रखकर प्रतिलेखना करना।

(३) तिर्यग्वेदिका—दोनों जानुओं के बीच में हाथ रखकर प्रतिलेखना करना।

(४) उभयवेदिका—दोनों जानुओं को दोनों हाथों के बीच रखकर प्रतिलेखना करना।

(५) एक वेदिका—एक जानु को दोनों हाथों के बीच रखकर प्रतिलेखना करना।

दृष्टि डालना, छह पूर्व करना—छह बार झटकना और अठारह खोटक करना—अठारह बार प्रमार्जन करना— इस प्रकार प्रतिलेखना के १+६+१८ = २५ प्रकार होते हैं।

१९. (श्लोक ३०)

प्रस्तुत श्‍लोक का प्रतिपाद्य है कि जो मुनि प्रतिलेखना में प्रमत्त होता है, वह छह जीव-निकायों का विराधक होता है। वृत्तिकार ने इसकी संगति इस प्रकार बिठाई—कोई मुनि कुंभकारशाला में ठहरा हुआ है। वह धर्मकथा में संलग्‍न है। वह स्वयं अध्ययनरत या दूसरों को पढ़ा रहा है और साथ ही साथ प्रतिलेखन भी कर रहा है। उसकी अन्यमनस्कता के कारण कुंभकारशाला में पड़ा पानी से भरा घड़ा लुढ़क जाता है। उस पानी के प्रवाह में मिट्टी, अग्‍नि आदि के जीवों का तथा बीज, कुन्थु आदि का प्लावन हो सकता है। उससे उन जीवों की विराधना होती है। जहां अग्‍नि का समारम्भ होता है, वहां वायु अवश्यंभावी है। इस प्रकार छह जीवनिकायों की विराधना होती है। वह प्रमादयुक्त होने के कारण भावनात्मक रूप से भी वह विराधक ही है।

प्रतिलेखना का उद्देश्य है—अहिंसा की आराधना। उस समय परस्पर संलाप आदि करना प्रतिलेखना के प्रति प्रमादयुक्त आचरण है।

अट्ठाईसवें श्‍लोक के अनुसार प्रतिलेखना के आठ विकल्प होते हैं। उनमें पहला प्रशस्त है, शेष सभी अप्रशस्त—

(१) न्यून नहींअतिरिक्त नहींविपर्यास नहींप्रशस्त
(२) न्यून नहींअतिरिक्त नहींविपर्यास हैंअप्रशस्त
(३) न्यून नहींअतिरिक्त हैविपर्यास नहींअप्रशस्त
(४) न्यून नहींअतिरिक्त हैविपर्यास हैंअप्रशस्त
(५) न्यून हैअतिरिक्त नहींविपर्यास नहींअप्रशस्त
(६) न्यून हैअतिरिक्त नहींविपर्यास हैंअप्रशस्त
(७) न्यून हैअतिरिक्त हैविपर्यास नहींअप्रशस्त
(८) न्यून हैअतिरिक्त हैविपर्यास हैंअप्रशस्त

२०. (श्‍लोक ३२)

इस श्‍लोक में छह कारणों से मुनि को आहार करना चाहिए, ऐसा कहा गया है—

१. क्षुधा को वेदना उत्पन्न होने पर।

२. वैयावृत्त्य के लिए।

३. ईर्या-पथ के शोधन के लिए।

४. संयम-यात्रा के निर्वाह के लिए।

५. अहिंसा के लिए।

६. धर्म-चिन्तन के लिए।

मिलाइए — ठाणं ६।४१।

मूलाचार के तीसरे कारण 'इरियट्ठाए' के स्थान पर 'किरियट्ठाए' पाठ मिलता है। उसका अर्थ 'क्रिया के लिए षडावश्यक आदि क्रिया का प्रतिलापन करने के लिए' किया गया है।

यह अन्तर यदि लिपि-दोष के कारण न हुआ हो तो यही मानना होगा कि उत्तराध्ययन में प्रतिपादित तीसरे कारण से आचार्य वट्टकेर सहमत नहीं है। बौद्ध-ग्रंथों में आहार लेने या करने की मर्यादा का उल्लेख करते हुए कहा गया है—भिक्खू क्रीड़ा के लिए, मद के लिए, मण्डन करने के लिए, विभूषा के लिए—आहार न करे। परन्तु शरीर को कायम रखने के लिए, रोग के उपशमन के लिए, ब्रह्मचर्य का पालन करने के लिए (शासन-ब्रह्मचर्य और मार्ग-ब्रह्मचर्य के लिए) इस प्रकार आहार करता हुआ मैं भूख से उत्पन्न वेदना को क्षीण करूंगा और नई वेदना को उत्पन्न नहीं करूंगा, ऐसा करने से मेरी यात्रा (संयम-यात्रा या शारीरिक यात्रा) और प्राशु विहार-चर्या भी चलती रहेगी।

मुनि के आहार करने का यह (ईर्यापथ-शोधन) तीसरा उपष्टम्भ है। यदि मुनि आहार नहीं करता है तो अन्यान्य इन्द्रियों के साथ आखें भी कमजोर हो जाती हैं। इस स्थिति में गमन-आगमन करते समय ईर्यापथ का सम्यक् शोधन नहीं कर पाता।

वेदना (क्षुधा) शांति के लिए (वेयण)

भूख के समान कोई कष्ट नहीं है। भूखा आदमी वैयावृत्त्य (सेवा) नहीं कर सकता; ईर्या का शोधन नहीं कर सकता; प्रेक्षा आदि संयम-विधियों का पालन नहीं कर सकता; उसका बल क्षीण हो जाता है; गुणन और अनुप्रेक्षा करने में वह अशक्त हो जाता है इसलिए भगवान् ने कहा है कि वेदना की शांति के लिए मुनि आहार करे।

धर्म-चिन्तन के लिए (धम्मचिंताए)

वृत्ति में धर्म के दो अर्थ है—धर्मध्यान और श्रुतधर्म। चार ध्यानों में धर्मध्यान प्रशस्तध्यान है। इसके आधार पर व्यक्ति शुक्लध्यान में प्रवेश कर सकता है। श्रुतधर्म का अर्थ है—ज्ञान की आराधना, आगमों की अविच्छित्ति का प्रयत्‍न। 'धम्मचिंता' शारीरिक बल और मनोबल के बिना नहीं होती। अनाहार अवस्था में मन और शरीर क्लांत हो जाते हैं। अत: मुनि धर्मचिंता के लिए आहार की गवेषणा करे।

२१. (श्‍लोक ३४)

इस श्‍लोक में छह कारणों से आहार नहीं करना चाहिए ऐसा कहा गया है—

(१) आतंक—ज्वर आदि आकस्मिक रोग हो जाने पर।

(२) राजा आदि का उपसर्ग हो जाने पर।

(३) ब्रह्मचर्य की तितिक्षा—सुरक्षा के लिए।

(४) प्राणी दया के लिए।

(५) तपस्या के लिए।

(६) शरीर का व्युत्सर्ग करने के लिए।

मुनि शरीर के व्युच्छेद की आकांक्षा या मृत्यु की कामना उसी स्थिति में करता है जब वह जान लेता कि उसका शरीर और इन्द्रियां क्षीण हो रही है और वह अब ज्ञान, दर्शन तथा चारित्र की पर्यायों के विकास में समर्थ नहीं है। वह सबसे पहले संलेखना करता है—

विविध तपस्याओं से अपने शरीर और कषायों को क्षीण करता है और अन्त में अनशन करता है। समाधि मरण के लिए मृत्यु की आकांक्षा काम्य है।

२२. सब भाण्डोपकरणों को ग्रहण कर (अवसेसं भंडगं गिज्झा)

मुनि जब भिक्षा के लिए जाए तब अपने सब उपकरणों को साथ ले आए—वह 'औत्सर्गिक विधि' है। यदि सब उपकरणों को साथ ले जाने में असमर्थ हो तो आचार-भण्डक लेकर जाए—यह 'आपवादिक विधि' है।

निम्‍नलिखित छह आचार-भण्डक कहलाते हैं—

(१) पात्र

(२) पटल

(३) रजोहरण

(४) दण्डक

(५) दो कल्प—एक ऊनी और एक सूती पछेवड़ी।

(६) मात्रक।

इस श्‍लोक का निर्युक्ति व भाष्य-काल में जो अर्थ था वह टीका-काल में बदल गया।

शान्त्याचार्य ने अवशेष का अर्थ केवल 'पात्रोपकरण' किया है। वैकल्पिक रूप में अवशेष का अर्थ 'समस्त उपकरण' भी किया है किन्तु उन्हें भिक्षा में साथ ले जाना चाहिए, इसकी मुख्य रूप से चर्चा नहीं की है।

२३. प्रदेश तक (विहार)

शान्त्याचार्य ने विहार का अर्थ 'प्रदेश' किया है। व्यवहार-भाष्य की वृत्ति में विहार-भूमि का अर्थ 'भिक्षा-भूमि' मिलता है। 'विहारं विहारए'—इसका अर्थ है—'भिक्षा के निमित्त पर्यटन करे।

२४. सर्व भावों को प्रकाशित करने वाला (सव्वभावविभावणं)

स्वाध्याय से इन्द्रियगम्य और अतीन्द्रियगम्य—दोनों विषयों का बोध मिलता है। इसलिए उसे 'सर्वभावविभावन'—जीव आदि सभी तत्त्वों को प्रकाशित करने वाला—किया है। आत्मा, धर्मास्तिकाय आदि द्रव्य अमूर्त्त हैं। इन्द्रियज्ञानी उन्हें नहीं जान सकता। आगमों का स्वाध्याय करने वाला उन अतीन्द्रिय द्रव्यों को भी जान लेता है। नंदी सूत्र में श्रुतज्ञान का विषय सर्व द्रव्य कहा गया है।

२५. दैवसिक (देसियं)

यहां 'वकार' का लोप किया गया है। इसका संस्कृत रूप है—दैवसिक और अर्थ है—दिन से संबंधित।

२६. स्तुति मंगल (थुइमंगलं)

स्तुतिमंगल का अर्थ है—सिद्धों का स्तवन।

देखें—श्‍लोक ५१ का टिप्पण!

२७. कौन सा तप ग्रहण करूं (किं तवं पडिवज्जामि)

कायोत्सर्ग में स्थित मुनि सोचे कि मैं कौनसा तप ग्रहण करूं? भगवान् महावीर ने छह मास की तपस्या की। क्या मैं भी इतनी दीर्घ तपस्या करने में समर्थ हूं अथवा नहीं? यह सोचते-सोचते एक-एक दिन करते-करते अन्त में उस स्थिति तक पहुंच जाए कि मैं कम से कम एक प्रहर या एक नवकारसी का तप तो अवश्य ही करूं।

२८. सिद्धों का संस्तव (सिद्धाण संथवं)

प्रतिक्रमण की परिसमाप्ति पर तीन बार 'णमोत्थुणं' कहने की विधि है। वृत्तिकार ने 'स्तुतित्रय' का उल्लेख किया है। प्रचलित विधि में पहली स्तुति सिद्ध की दूसरी अर्हत की और तीसरी आचार्य कि की जाती है। श्रीमज्जयाचार्य ने भी आचार्य की स्तुति को मान्य किया है।

♦

सत्तावीसवां अध्ययन : खलुंकीय

27

सत्ताईसवां अध्ययन : खलुंकीय

आमुख

इस अध्ययन में खलुंक (पुष्ट बैल) की उद्दण्डता के माध्यम से अविनीत की उद्दण्डता का चित्रण किया गया है, इसलिए इसका नाम 'खलुंकिज्जं'—'खलुंकीय' है।

इस आगम-ग्रन्थ के प्रथम अध्ययन में विनीत और अविनीत के स्वरूप की व्याख्या की है। विनीत को पग-पग पर सम्पत्ति मिलती है और अविनीत को विपत्ति। अनुशासन विनय का एक अंग है। भगवान् महावीर के शासन में अनुशासन की शिक्षा-दीक्षा का बहुत महत्त्व रहा है। आत्मानुशासन अध्यात्म का पहला सोपान है। जो आत्म-शासित है, वही मोक्ष-मार्ग के योग्य है। जो शिष्य अनुशासन की अवहेलना करता है, उसका न इहलोक सधता है और न परलोक।

आंतरिक अनुशासन में प्रवीण व्यक्ति ही बाह्य अनुशासन को क्रियान्वित कर सकता है। जिसकी आंतरिक वृत्तियां अनुशासित है उसके लिए बाह्य अनुशासन चाहे फिर वह कितना ही कठोर क्यों न हो, सरल हो जाता है।

यह अध्ययन प्रथम अध्ययन का ही पूरक अंश है। इसमें अविनीत शिष्य के अविनय का यथार्थ चित्रण किया गया है और उसकी 'खलुंक' (दुष्ट बैल) से तुलना की गई है—

''दुष्ट बैल शकट और स्वामी का नाश कर देता है, यत्किंचित् देखकर संत्रस्त हो जाता है, जुए और चाबुक को तोड़ डालता है और विपथगामी हो जाता है।''

''अविनीत शिष्य खलुंक जैसा होता है। वह दंश-मशक की तरह कष्ट देने वाला, जलोक की तरह गुरु के दोष ग्रहण करने वाला, वृश्‍चिक की तरह वचन-कण्टकों से बींधने वाला, असहिष्णु, आलसी और गुरु के कथन को न मानने वाला होता है।''

''वह गुरु का प्रत्यनीक, चारित्र में दोष लगाने वाला, असमाधि उत्पन्न करने वाला और कलह करने वाला होता है।''

''वह पिशुन, दूसरों को तपाने वाला, रहस्य का उद्घाटन करने वाला, दूसरों का तिरस्कार करने वाला, श्रमण-धर्म से खिन्न होने वाला और मायावी होता है।''

स्थविर गणधर गार्ग्य मृदु, समाधि-सम्पन्न और आचारवान् गणी थे। जब उन्होंने देखा कि उनके सारे शिष्य अविनीत, उद्दण्ड और उच्छृखंल हो गए तब आत्म-भाव से प्रेरित हो, शिष्य-समुदाय को छोड़, वे अकेले हो गए। आत्म-निष्ठ मुनि के लिए यही कर्त्तव्य है। जो शिष्य-सम्पदा समाधि में सहायक होती है वही गुरु के लिए आदेय है, अनुशासनीय है और जो समाधि में बाधक बनती है वह त्याज्य है, अवांछनीय है।

सामुदायिकता साधना की समृद्धि के लिए है। वह लक्ष्य की पूर्ति के लिए सहायक हो तो उसे अंगीकार किया जाता है और यदि वह बाधक बनने लगे तो साधक स्वयं अपने को उससे मुक्त कर लेता है। यह तथ्य सदा से मान्य रहा है। यह अध्ययन उसी परम्परा की ओर संकेत करता है।

सत्तावीसइमं अज्झयणं : खलुंकिज्जं

सत्ताईसवां अध्ययन : खलुंकीय

मूल

१. थेरे गणहरे गग्गे, मुणी आसि विसारए।

आइण्णे गणिभावम्मि, समाहिं पडिसंधए।।

हिन्‍दी अनुवाद

एक गर्गगोत्रीय१मुनि हुआ। वह स्थविर,२ गणधर ३ और शास्त्र-विशारद४ था। वह गुणों से आकीर्ण, गणी पद पर स्थित५होकर समाधि का प्रतिसंधान करता था।६

२. वहणे वहमाणस्स, कंतारं अइवत्तई।

जोए वहमाणस्स, संसारो अइवत्तई।।

वाहन को वहन करते हुए बैल के अरण्य स्वयं उल्लंघित हो जाता है। वैसे ही योग के वहन करते हुए मुनि के संसार स्वयं उल्लंघित हो जाता है।

३. खलुंके जो उ जोएइ, विहम्माणो किलिस्सई।

असमाहिं च वेएइ, तोत्तओ य से भज्जई।।

जो अयोग्य बैलों को७ जोतता है, वह उनको आहत करता हुआ८क्लेश पाता है। उसे असमाधि का संवेदन होता है और उसका चाबुक टूट जाता है।

४. एगं डसइ पुच्छंमि, एगं विंधइऽभिक्खणं।

एगो भंजइ समिलं, एगो उप्पहपट्ठिओ।।

वह क्रुद्ध हुआ वाहक किसी एक की पूंछ को काट देता है९ और किसी एक को बार-बार बींधता है।१० तब कोई अयोग्य बैल जुए की कील को तोड़ देता है और कोई उत्पथ में प्रस्थान कर जाता है।

५. एगो पडइ पासेणं, निवेसइ निवज्जई।

उक्कुद्दइ उप्फिडई, सढे बालगवी वए।।

कोई एक पार्श्‍व से गिर पड़ता है, कोई बैठ जाता है तो कोई लेट जाता है। कोई कूदता है, कोई उछलता है११ तो कोई शठ तरुण गाय की ओर१२ भाग जाता है।

६. माई मुद्धेण पडइ, कुद्धे गच्छइ पडिप्पहं।

मयलक्खेण चिट्ठई, वेगेण य पहावई।।

कोई धूर्त्त बैल शिर को निढ़ाल बना कर लुट जाता है तो कोई क्रुद्ध होकर पीछे की ओर चलता है। कोई मृतक-सा बन कर गिर जाता है तो कोई वेग से दौड़ता है।

७. छिन्नाले छिंदइ सेल्लिं, दुद्दंतो भंजए जुगं।

से वि य सुस्सुयाइत्ता, उज्जहित्ता पलायए।।

छिनाल१३ वृषभ रास को १४ छिन्न-भिन्न कर देता है, दुर्दान्त होकर जुए को तोड़ देता है और सों-सों कर वाहन को छोड़ कर भाग जाता है।

८. खलुंका जारिसा जोज्जा, दुस्सीसा वि हु तारिसा।

जोइया धम्मजाणम्मि, भज्जंति धिइदुब्बला।।

जुते हुए अयोग्य बैल जैसे वाहन को भग्‍न कर देते हैं, वैसे ही दुर्बल धृति वाले शिष्यों को धर्म-यान में जोत दिया जाता है तो वे उसे भग्‍न कर डालते हैं।

९. इड्ढीगारविए एगे, एगेत्थ रसगारवे।

सायागारविए एगे, एगे सुचिरकोहणे।।

कोई शिष्य ऋद्धि का गौरव करता है तो कोई रस का गौरव करता है, कोई साता—सुखों का गौरव करता है तो कोई चिर-काल तक क्रोध रखने वाला है।१५

१०. भिक्खालसिए एगे, एगे ओमाणभीरुए थद्धे।

एगं च अणुसासम्मी, हेऊहिं कारणेहि य।।

कोई१६ भिक्षाचारी में आलस्य करता है तो कोई अपमान-भीरु१७ और अहंकारी है। किसी को गुरु हेतुओं व कारणों द्वारा अनुशासित करते हैं१८ —

११. सो वि अंतरभासिल्लो, दोसमेव पकुव्वई।

आयरियाणं तं वयणं, पडिकूलेइ अभिक्खणं।।

तब वह बीच में बोल उठता है, मन में द्वेष ही१९ प्रकट करता है तथा बार-बार आचार्य के वचनों के प्रतिकूल आचरण करता है।

१२. न सा ममं वियाणाइ, न वि सा मज्झ दाहिई।

निग्गया होहिई मन्ने, साहू अन्नोत्थ वच्चउ।।

(गुरु प्रयोजनवश किसी श्राविका से कोई वस्तु लाने को कहे, तब वह कहता है) वह मुझे नहीं जानती, वह मुझे नहीं देगी, मैं जानता हूं—वह घर से बाहर गई होगी। इस कार्य के लिए मैं ही क्यों, कोई दूसरा साधु चला जाए।

१३. पेसिया पलिउंचंति, ते परियंति समंतओ।

रायवेट्ठिं व मन्नंता, करेंति भिउडिं मुहे।।

किसी कार्य के लिए उन्हें भेजा जाता है और वे कार्य किए बिना ही लौट आते हैं। पूछने पर कहते हैं—उस कार्य के लिए आपने हमसे कब कहा था?२० वे चारों ओर घूमते हैं किन्तु गुरु के पास नहीं बैठते। कभी गुरु का कहा कोई काम करते हैं तो उसे राजा की बेगार२१ की भांति मानते हुए मुंह पर भृकुटि तान लेते हैं—मुंह को मचोट लेते हैं।

१४. वाइया संगहिया चेव, भत्तपाणे य पोसिया।

जायपक्खा जहा हंसा, पक्कमंति दिसोदिसिं।।

(आचार्य सोचते हैं) मैंने उन्हें पढ़ाया, संगृहीत (दीक्षित) किया, भक्त-पान से पोषित किया, किन्तु कुछ योग्य बनने पर वे वैसे ही बन गए हैं, जैसे पंख आने पर हंस विभिन्न दिशाओं में प्रक्रमण कर जाते हैं—दूर-दूर उड़ जाते हैं।

१५. अह सारही विचिंतेइ, खलुंकेहिं समागओ।

किं मज्झ दुट्ठसीसेहिं, अप्पा मे अवसीयई।।

कुशिष्यों द्वारा खिन्न होकर२२सारथि (आचार्य)२३ सोचते हैं—इन दुष्ट शिष्यों से मुझे क्या? इनके संसर्ग से मेरी आत्मा अवसन्न व्याकुल होती है।

१६. जारिसा मम सीसाउ, तारिसा गलिगद्दहा।

गलिगद्दहे चइत्ताणं, दढं परिगिण्हई तवं।।

जैसे मेरे शिष्य हैं वैसे ही गली-गर्दभ२४ होते हैं। इन गली-गर्दभों को छोड़ कर गर्गाचार्य ने दृढ़ता के साथ तप:मार्ग को अंगीकार किया।

१७. मिउ मद्दवसंपन्ने, गंभीरे सुसमाहिए।

विहरइ महिं महप्पा, सीलभूएण अप्पणा।।

वह मृदु और मार्दव२५ से सम्पन्न गम्भीर और सुसमाहित महात्मा शील-सम्पन्न होकर पृथ्वी पर विचरने लगा।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २७ : खलुंकीय

१. गर्गगोत्रीय (गग्गे)

इसके दो संस्कृत रूप हैं—गर्ग और गार्ग्य। गर्ग व्यक्तिवाची शब्द है और गार्ग्य गोत्र सम्बन्धी। शान्त्याचार्य ने इसका संस्कृत रूप गार्म्य देकर इसका अर्थ 'गर्गसगोत्र' किया है। नेमिचन्द्र ने इसे 'गर्ग' शब्द मानकर 'गर्गनामा' ऐसा अर्थ किया है। स्थानांग सूत्र में गौतम-गोत्र के अन्तर्गत गर्ग-गोत्र का उल्लेख हुआ है। इसलिए शान्त्याचार्य वाला अर्थ ही संगत लगता है। सरपेन्टियर ने लिखा है—यह गर्ग शब्द अति प्राचीन है और वैदिक-साहित्य में इसका प्रयोग हुआ है। इसके निकट के शब्द गार्गी और गार्ग्य ब्राह्मण युग में सुविदित रहे। संभव है उस समय में गर्ग नाम वाला कोई ब्राह्मण मुनि रहा हो और जैनों ने उस नाम का अनुकरण कर अपने साहित्य में उसका प्रयोग किया हो। उत्तराघ्ययन में आए हुए 'कपिल' आदि शब्द के विषय में भी ऐसा ही हुआ है। किन्तु ब्राह्मण लोग जैन-शासन में प्रव्रजित होते थे इसलिए ब्राह्मण मुनि के नाम का अनुकरण कर यह अध्ययन लिखा गया। इस अनुमान के लिए कोई पुष्ट आधार प्राप्त नहीं है।

२. स्थविर (थेरे)

शान्त्याचार्य ने 'थिरकरण पुण थेरो' के आधार पर इसका अर्थ 'धर्म के अस्थिर व्यक्तियों को स्थिर करने वाला' किया है। दशवैकालिक (९।४।१) की चूर्णि में स्थविर का अर्थ 'गणधर' किया गया है। परन्तु यहां वह अर्थ नहीं है क्योंकि इसका अगला शब्द 'गणहरे' है।

साधारणत: जो मुनि प्रव्रज्या और वय में वृद्ध होते हैं उन्हें 'स्थविर' कहा जाता है। मुनि के लिए 'स्थविर कल्प' नामक आचार विशेष का भी उल्लेख आया है जिसका अर्थ है 'गच्छ में रहने वाले मुनियों का आचार।'

३. गणधर (गणहरे)

इसके प्रमुख अर्थ दो हैं—तीर्थंकर के प्रमुख शिष्य और अनुपम ज्ञान आदि के धारक आचार्य।

४. विशारद (विसारए)

चूर्णिकार के अनुसार इसका अर्थ है—उपकरणों का संग्रह और परस्पर उपग्रह करने में कुशल व्यक्ति।

बृहद्वृत्ति में इसका मूल अर्थ है—सभी शास्त्रों में कुशल बहुश्रुत तथा वैकल्पिक अर्थ चूर्णि के समान है।

५. वह गुणों से आकीर्ण, गणीपद पर स्थित (आइण्णे गणिभावम्मि)

चूर्णिकार ने 'आइण्णे गणिभावम्मि' का समन्वित अर्थ किया है—गणिभाव के प्रति आकीर्ण। तात्पर्यार्थ में आचार्य के गुणों से युक्त।

वृत्तिकार ने दोनों को स्वतंत्र मानकर आकीर्ण का अर्थ—आचारसंपदा, श्रुतसंपदा आदि आचार्य गुणों से परिपूर्ण किया है तथा गणिभाव का अर्थ—आचार्य के रूप में अवस्थित किया है।

६. प्रतिसंधान करता था (पडिसंधए)

शान्त्याचार्ये ने इसका अर्थ 'कर्मोदय से नष्ट हुई अविनीत शिष्यों की समाधि का पुन: संधान करना—जोड़ना११ और नेमिचंद्र ने शिष्यों द्वारा तोड़ी गई समाधि का पुन: अपने आप में संधान करना किया है।'

इस अध्ययन की दृष्टि से दोनों अर्थ उचित है।

७. अयोग्य बैलों को (खलुंके)

'खलुंक' और 'खुलुंक'—ये दोनों रूप प्रचलित हैं। नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ 'दुष्ट वैल' किया है। स्थानांग वृत्ति में भी खलुंक का अर्थ 'अविनीत' किया गया है। खलुंक का अर्थ 'घोड़ा' भी होता है।

सरपेन्टियर ने लिखा है—संभव है यह शब्द 'खल' से संबंधित रहा हो और प्रारम्भ में 'खल' शब्द के भी ये ही— वक्र, दुष्ट आदि अर्थ रहे हों। परन्तु इसकी प्रामाणिक व्युत्पत्ति अज्ञात ही है।

सरपेन्टियर ने लिखा है—संभव है यह शब्द 'खल' से संबंधित रहा हो और प्रारम्भ में 'खल' शब्द के भी ये ही— वक्र, दुष्ट आदि अर्थ रहे हों। परन्तु इसकी प्रामाणिक व्युत्पत्ति अज्ञात ही है। अनुमानत: यह शब्द 'खलोक्ष' का निकटवर्ती रहा है। जैसे— खल-विहग का दुष्ट पक्षी के अर्थ में प्रयोग होता है, वैसे ही खल-उक्ष का दुष्ट बैल के अर्थ में प्रयोग हुआ हो।

'खलुंक' शब्द के अनेक अर्थ निर्युक्ति की गाथाओं (४८९-४९४) में मिलते हैं—

(१) जो बैल अपने जुए को तोड़कर उत्पथगामी हो जाते हैं, उन्हें खलुंक कहा जाता है—यह गाथा ४८९ का भावार्थ है।

(२) ४९० वीं गाथा में खलुंक का अर्थ वक्र, कुटिल, जो नमाया नहीं जा सकता आदि किया गया है।

(३) ४९१ वीं गाथा में हाथी के अंकुश, करमंदी, गुल्म की लकड़ी और तालवृन्त के पंखे आदि को खलुंक कहा गया है।

(४) ४९२ वीं गाथा में दंश, मशक, जोंक आदि को खलुंक कहा गया है।

(५) ४९३ और ४९५ वीं गाथाओं में गुरु के प्रत्यनीक, शबल, असमाधिकर, पिशुन, दूसरों को संतप्त करने वाले अविश्‍वस्त शिष्यों को खलुंक कहा गया है।

उपर्युक्त विवरण से यह स्पष्ट हो जाता है कि दुष्ट, वक्र आदि के अर्थ में 'खलुंक' शब्द का प्रयोग होता है। जब यह मनुष्य या पशु के विशेषण के रूप में प्रयुक्त होता है तब इसका अर्थ होता है—दुष्ट मनुष्य या पशु, अविनीत मनुष्य या पशु और जब यह लता, गुल्म, वृक्ष आदि के विशेषण के रूप में प्रयुक्त होता है, तब इसका अर्थ वक्र लता या वृक्ष, ठूंठ, गांठों वाली लकड़ी या वृक्ष होता है।

८. आहत करता हुआ (विहम्माणो)

शान्त्याचार्य ने इसका संस्कृत रूप 'विघ्नम्', नेमिचन्द्र ने 'विध्यमान' और सरपेन्टियर ने 'विधूयमान' किया है। उन्होंने टिप्पण करते हुए इस शब्द के स्थान पर 'विहम्ममाण' शब्द को स्वीकार करने का मत प्रगट किया है। 'हन्' धातु का 'हम्मइ' रूप बनता है। 'विहम्माण' को आर्षप्रयोग मानकर उसका संस्कृत रूप 'विघ्नन्' किया जा सकता है। जेकोबी ने भी यही अर्थ दिया है।

९. (एगं डसइ पुच्छंमि)

शान्त्याचार्य ओर नेमिचन्द्र ने इसका सम्बन्ध क्रुद्ध गाड़ी-वाहक—सारथि से किया है। परन्तु प्रकरण की दृष्टि से यह संगत नही लगता। डॉ. हरमन जेकोबी ने इसका सम्बन्ध दुष्ट बैल के साथ जोड़ा है। क्योंकि अगला सारा प्रकरण बैलों से सम्बन्धित है। अत: यह ठीक है।

१०. बींधता है (विंधइ)

इसका संस्कृत रूप है 'विध्यति'। सरपेन्टियर ने इस शब्द के स्थान पर 'छिंदइ, भिंदइ' मानने का मत प्रगट किया है। यह अनावश्यक लगता है। 'विंधइ' शब्द ही यहां ठीक है। क्योंकि जब बैल आपस में लड़ते हैं, तब वे एक दूसरे को सींगो से बींधते हैं।

११. उछलता है (उप्फिडई)

हेमचन्द्राचार्य के अनुसार 'भ्रंश' धातु को 'फिड' आदेश होता है। शान्त्याचार्य ने इसका अर्थ 'मण्डूकवत् वते' मंडूक की तरह फुदकना किया हैं। स्खलित होना और फुदकना—ये दोनों अर्थ भिन्न अपेक्षाओं से यहां संगत हो सकते हैं।

१२. तरुण गाय की ओर (बालगवी)

शान्त्याचार्य ने इसके दो अर्थ किए हैं—(१) युवा गाय और (२) दुष्ट वैल। प्रथम अर्थ संगत लगता है।

१३. छिनाल (छिन्नाले)

'छिन्नाले' का अर्थ है 'जार'। भारतवर्ष में घोड़ा-गाड़ी-वाहक इसका बहुधा प्रयोग करते हैं यह गाली वाचक शब्द है। इसका स्त्रीलिंग में भी प्रयोग होता है, यथा— छिनाली, छिनाल स्त्री, छिन्ना आदि। पुंश्‍चली को छिनाल कहते हैं।

छिनालिया-पुत्र की संस्कृत छाया 'पुंश्‍चलिपुत्रक' दी है—ऐसा सरपेन्टियर ने लिखा है। टीकाकार इसका अर्थ 'तथाविधदुष्टजाति:' करते हैं।

१४. रास को (सेल्लिं)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है 'रज्जु'। सम्भव है इस शब्द का संबन्ध अपभ्रंश शब्द 'सेल्लु' से हो, जिसका उल्लेख हेमचन्द्राचार्य ने प्राकृत-व्याकरण (४।३८७) में किया है। पिशल ने 'सेल्लु' का अर्थ हल किया है। सरपेन्टियर ने इस अर्थ के आधार पर यह अनुमान किया है कि यह हल का कोई भाग होना चाहिए। देशीनाममाला में 'सेल्लु' के दो अर्थ किए हैं—(१) मृगशिशु और (२) बाण।

१५. (श्‍लोक ९)

प्रस्तुत श्‍लोक में तीन गौरवों का उल्लेख है। गौरव का अर्थ है—अभिमान से उत्तप्त चित्त की अवस्था। वृत्तिकार ने इनका विस्तृत वर्णन किया है। ऐश्‍वर्य या ऋद्धि का अहं करने वाला शिष्य सोचता है—अनेक धनाढ्य व्यक्ति मेरे श्रावक हैं। वे मुझे यथेष्ट उपकरण आदि लाकर देते हैं। मेरे समान सौभाग्यशाली दूसरा कौन है? यह सोचकर वह गुरु की सेवा-शुश्रूषा में प्रवर्तित नहीं होता। रस गौरव का अर्थ है—जीभ का लोलुप। रस-लोलुप शिष्य बाल, ग्लान आदि को उपयुक्त आहार आदि नहीं देता। वह स्वयं तपस्या भी नहीं करता। सात-गौरव व्यक्ति निरंतर सुख-सुविधाओं में प्रतिबद्ध रहता है। वह अप्रतिबद्ध विहारी नहीं हो सकता। उसे सुख-सुविधा से वंचित हो जाने का भय बना रहता है।

१६. (श्‍लोक १०)

डॉ० हरमन जेकोबी ने इस श्‍लोक के विषय में यह अनुमान किया है कि मूलत: वह श्‍लोक 'आर्या' छन्द में था परन्तु कालान्तर में इसे 'अनुष्टुप् छन्द' में बदलने का प्रयत्‍न किया गया। टिकाओं में इस विषयक कोई उल्लेख नहीं है।

१७. अपमान-भीरू (ओमाणभीरुए)

इसका तात्पर्य है कि जिस किसी के घर में वह भिक्षा के लिए नहीं जाता क्योंकि उसे प्रतिपल अपमानित होने का भय रहता है। शान्त्याचार्य ने 'ओमाणभीरुए' का वैकल्पिक अर्थ 'प्रवेश-भीरु' किया है। ओमाण का एक अर्थ अलाभ भी किया जा सकता है।

१८. अनुशासित करते हैं (अणुसासम्मी)

कई प्रतियों में 'अणुससम्मि' पाठ मिलता है। जेकोबी ने इस पाठ का समर्थन किया है। डॉ० पिशेल ने जेकोबी के मत को भ्रामक कहा है। नेमिचन्द्र इसका संस्कृत रूप 'अनुशास्मि' करते हैं। शान्त्याचार्य ने इसके संस्कृत रूप दो माने हैं—अनुशासित और अनुशास्मि। 'अनुशास्ति' रूप प्रकरण संगत लगता है।

१९. द्वेष ही (दोसमेव)

'दोस' शब्द के दो अर्थ होते हैं—द्वेष और दोष। चूर्णिकार ने 'दोस' का अर्थ 'दोष' तथा वृत्तिकार ने 'अपराध' किया है।

२०. (पलिउंचंति)

इसका तात्पर्यार्थ समझाते हुए शान्त्याचार्य ने लिखा है कि आदेश के अनुसार कार्य न होने पर गुरु अपने शिष्य को इसका कारण पूछते हैं तब शिष्य कहता है—''आपने हमें इस कार्य के लिए कब कहा था?'' अथवा वह यों कह देता है—''हम वहां गए थे परन्तु वह वहां नहीं मिली।'' यह अपलाप करना है। डॉ० हरमन जेकोबी ने इस अर्थ को मान्य नहीं किया है। उनके अनुसार इसका अर्थ है 'आदेशानुसार कार्य नहीं किया।' मूल धातु को देखते हुए परिकुंच का अर्थ मायापूर्ण प्रयोग या अपलाप ही होना चाहिए।

२१. राजा की बेगार (रायवेटि्ंठ)

'रायवेट्ठि' का अर्थ है 'राजा की बेगार'। राजस्थान में इसे 'बेठ' कहते हैं। (विट्टि वेट्टि बेठ) यह देशी शब्द है। देशीनाममाला में इसका अर्थ 'प्रेषण' किया है। उपदेशरत्‍नाकर (६।११) में इसका अर्थ 'बेगार' किया है। प्राचीन समय में यह परम्परा थी कि राजा या जमींदार गांव के प्रत्येक व्यक्ति से बिना पारिश्रमिक दिए ही काम कराते थे। बारी-बारी से सबको कार्य करना पड़ता था। इसी की ओर यह शब्द संकेत करता है। डॉ० हरमन जेकोबी 'विट्टि' का अर्थ 'भाड़ा'—'किराया' करते हैं। किन्तु यहां यह उपयुक्त नहीं है।

२२. खिन्न होकर (समागओ)

'समागओ' के अर्थ में नेमिचन्द्र का मत शान्त्याचार्य से भिन्न है। शान्त्याचार्य ने समागत का अर्थ 'श्रमागत' (श्रम-प्राप्त) किया है और नेमिचन्द्र ने इसका अर्थ 'संयुक्त' किया है।

२३. सारथि (आचार्य) (सारही)

इसका शाब्दिक अर्थ है—सारथि, रथ को चलाने वाला। प्रस्तुत प्रसंग में इसका लाक्षणिक प्रयोग हुआ है। यहां इसका अर्थ है—आचार्य। जैसे—सारथि उत्पथगामी या मार्गच्युत बैल या घोड़े को सही मार्ग पर ला देता है, वैसे ही आचार्य भी अपने शिष्यों को मार्ग पर ला देते हैं।

२४. गली गर्दभ (गलिगद्दहा)

'गलि' देशी शब्द है। इसका अर्थ है—अविनीत, दुष्ट। यहां गर्दभ की उपमा अत्यंत कुत्सा ज्ञापित करने के लिए है। गधा स्वभावत: आलसी होता है। उसको निरंतर प्रेरित करने पर ही वह कार्य में प्रवृत्त होता है। उसको प्रेरित करने में ही सारा समय बीत जाता है।

इसलिए गर्गाचार्य ने सोचा, मेरे सारे शिष्य गलिगर्दभ की भांति अविनीत और आलसी है। अब मुझे उनको छोड़कर अपना हित-साधन करना चाहिए।

२५. मृदु और मार्दव (मिउमद्दव)

वृत्ति में मृदु का अर्थ है—बाह्य विनय और मार्दव का अर्थ है—आन्तरिक विनय।

♦

अट्ठाईसवां अध्ययन : मोक्ष-मार्ग-गति

28

अट्ठाईसवां अध्ययन : मोक्ष-मार्ग-गति

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'मोक्खमग्गगई'—'मोक्ष-मार्ग-गति' है। मोक्ष प्राप्य है और मार्ग है उसकी प्राप्ति का उपाय। गति व्यक्ति का अपना पुरुषार्थ है। प्राप्य हो और प्राप्ति का उपाय न मिले तो वह प्राप्त नहीं होता। इसी प्रकार प्राप्य भी हो और प्राप्ति का उपाय भी हो किन्तु उसकी ओर गति नहीं होती तो वह प्राप्त नहीं होता। मार्ग और गति—ये दोनों प्राप्त हों तभी प्राप्य प्राप्त हो सकता है।

ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप—इन चारों के द्वारा मोक्ष की प्राप्ति होती है, इसलिए इनके समवाय को मोक्ष का मार्ग कहा गया है। जैन दर्शन ज्ञान-योग, भक्ति-योग (श्रद्धा) और कर्म-योग (चारित्र और तप)—इन तीनों को संयुक्त रूप में मोक्ष का मार्ग मानता है, किसी एक को नहीं (श्‍लोक २)। इस चतुरंग मार्ग को प्राप्त करने वाले जीव ही मोक्ष को प्राप्त करते हैं।

चौथे से चौदहवें श्‍लोक तक ज्ञान-योग का निरूपण है—ज्ञान और ज्ञेय का प्रतिपादन है।

पन्द्रहवें से इकतीसवें श्‍लोक तक श्रद्धा-योग का निरूपण है।

बत्तीसवें से चौतीसवें श्‍लोक तक कर्म-योग का निरुपण है।

पैत्तीसवें श्‍लोक में इन योगों के परिणाम बतलाए गए हैं।

मोक्ष-प्राप्ति का पहला साधन ज्ञान है। ज्ञान पांच हैं—मति, श्रुत, अवधि, मन:पर्यव और केवल। ज्ञान के विषय हैं—द्रव्य, गुण और पर्याय। धर्म, अधर्म, आकाश, काल, पुद्गल और जीव—ये छह द्रव्य हैं। गुण और पर्याय अनन्त हैं।

मोक्ष-प्राप्ति का दूसरा साधन दर्शन है। उसका विषय है तथ्य की उपलब्धि। वे नौ हैं—जीव, अजीव, पुण्य, पाप, आस्रव, संवर, निर्जरा, बन्ध और मोक्ष। दर्शन को दस रुचियों में विभक्त किया गया है। यह विभाग स्थानांग (१०।१०४) और प्रज्ञापना (प्रथम पद) में भी मिलता है। वह विभाग यह है—

१. निसर्गरुचि

२. उपदेशरुचि

३. आज्ञारुचि

४. सूत्ररुचि

५. बीजरुचि

६. अभिगमरुचि

७. विस्ताररुचि

८. क्रियारुचि

१०. धर्मरुचि।

मोक्ष-प्राप्ति का तीसरा साधन चारित्र—आचार है। वे पांच हैं।

१. सामायिक चारित्र

२. छेदोपस्थापनीय चारित्र

३. परिहार-विशुद्धि चारित्र

४. सूक्ष्म-सम्पराय चारित्र

५. यथाख्यात चारित्र

मोक्ष-प्राप्ति का चौथा साधन तप है। वह दो प्रकार का है—बाह्य और आभ्यन्तर। प्रत्येक के छह-छह विभाग हैं।

दर्शन के बिना ज्ञान नहीं होता और ज्ञान के बिना चारित्र नहीं आता। चारित्र के बिना मोक्ष नहीं होता और मोक्ष के बिना निर्वाण नहीं होता। (श्‍लो. ३०)

ज्ञान से तत्त्व जाने जाते हैं।

दर्शन से उन पर श्रद्धा होती है।

चारित्र से आस्रव का निरोध होता है।

तप से शोधन होता है। (श्‍लो. ३५)

इस प्रकार प्रस्तुत अध्ययन में इन चार मार्गों का निरूपण है। जब आत्म-शोधन पूर्ण होता है तब जीव सिद्ध-गति को प्राप्त हो जाता है।

सूत्रकृतांग के प्रथम श्रुतस्कन्ध के ग्यारहवें अध्ययन का नाम 'मार्गाध्ययन' है। उसमें भी मोक्ष के मार्गों का निरूपण है।

अट्ठावीसइमं अज्झयणं : मोक्खमग्गगई

अट्ठाईसवां अध्ययन : मोक्ष-मार्ग-गति

मूल

१. मोक्खमग्गगइं तच्चं, सुणेह जिणभासियं।

चउकारणसंजुत्तं, नाणदंसणलक्खणं।।

हिन्‍दी अनुवाद

चार कारणों से संयुक्त१ ज्ञान-दर्शन लक्षण वाली जिन-भाषित तथ्यात्मक मोक्ष-मार्ग की गति को सुनो।

२. नाणं च दंसणं चेव, चरित्तं च तवो तहा।

एस मग्गो त्ति पण्णत्तो, जिणेहिं वरदंसिहिं।।

ज्ञान, दर्शन चारित्र और तप—यह मोक्ष-मार्ग है, ऐसा वरदर्शी अर्हतों ने प्ररूपित किया।२

३. नाणं च दंसणं चेव, चरित्तं च तवो तहा।

एयं मग्गमणुप्पत्ता, जीवा गच्छंति सोग्गइं।।

ज्ञान, दर्शन चारित्र और तप—इस मार्ग को प्राप्त करने वाले जीव सुगति में जाते हैं।

४. तत्थ पंचविहं नाणं, सुयं आभिनिबोहियं।

ओहीनाणं तइयं, मणनाणं च केवलं।।

उनमें ज्ञान पांच प्रकार का है—श्रुतज्ञान, आभिनिबोधिकज्ञान, अवधिज्ञान, मन:ज्ञान और केवलज्ञान।३

५. एयं पंचविहं नाणं, दव्वाण य गुणाण य।

पज्जवाणं च सव्वेसिं, नाणं नाणीहि देसियं।।

यह पांच प्रकार का ज्ञान सर्व द्रव्य, गुण और पर्यायों का अवबोधक है—ऐसा ज्ञानियों ने बतलाया है।

६. गुणाणमासओ दव्वं, एगदव्वस्सिया गुणा।

लक्खणं पज्जवाणं तु, उभओ अस्सिया भवे।।

जो गुणों का आश्रय होता है, वह द्रव्य है।४ जो एक (केवल) द्रव्य के आश्रित रहते हैं, वे गुण होते हैं।५ द्रव्य और गुण—दोनों के आश्रित रहना पर्याय का६ लक्षण है।

७. धम्मो अहम्मो आगासं, कालो पुग्गलजंतवो।

एस लोगो त्ति पण्णत्तो, जिणेहिं वरदंसिहिं।।

धर्म, अधर्म७, आकाश, काल, पुद्गल और जीव—ये छह द्रव्य हैं। यह षट्द्रव्यात्मक जो है वही लोक है— ऐसा वरदर्शी अर्हतों ने प्ररूपित किया है।८

८. धम्मो अहम्मो आगासं, दव्वं इक्किक्कमाहियं।

अणंताणि य दव्वाणि, कालो पुग्गलजंतवो।।

धर्म, अधर्म, आकाश—ये तीन द्रव्य एक-एक हैं। काल, पुद्गल और जीव—ये तीन द्रव्य अनन्त-अनन्त हैं।९

९. गइलक्खणो उ धम्मो, अहम्मो ठाणलक्खणो।

भायणं सव्वदव्वाणं, नहं ओगाहलक्खणं।।

धर्म का लक्षण है गति, अधर्म का लक्षण है स्थिति। आकाश सर्व द्रव्यों का भाजन है। उसका लक्षण है अवकाश।

१०. वत्तणालक्खणो कालो, जीवो उवओगलक्खणो।

नाणेणं दंसणेणं च, सुहेण य दुहेण य।।

वर्तना काल का१० लक्षण है। जीव का लक्षण है उपयोग।११ यह ज्ञान, दर्शन, सुख और दु:ख से जाना जाता है।

११. नाणं च दंसणं चेव, चरित्तं च तवो तहा।

वीरियं उवओगो य, एयं जीवस्स लक्खणं।।

ज्ञान, दर्शन, चारित्र, तप, वीर्य और उपयोग—ये जीव के लक्षण हैं।

१२. सद्दंधयारउज्जोओ, पहा छायातवे इ वा।

वण्णरसगंधफासा, पुग्गलाणं तु लक्खणं।।

शब्द१२, अन्धकार१३, उद्योत, प्रभा, छाया१४, आतप, वर्ण, रस, गन्ध और स्पर्श—ये पुद्गल के लक्षण हैं।

१३. एगत्तं च पुहत्तं च, संखा संठाणमेव य।

संजोगा य विभागा य, पज्जवाणं तु लक्खणं।।

एकत्व, पृथक्त्व, संख्या, संस्थान, संयोग और विभाग—ये पर्यायों के लक्षण हैं।१५

१४. जीवाजीवा य बंधो य, पुण्णं पावासवो तहा।

संवरो निज्जरा मोक्खो, संतेए तहिया नव।।

जीव, अजीव, बन्ध, पुण्य, पाप, आश्रव, संवर, निर्जरा और मोक्ष—ये नौ तथ्य (तत्त्व) हैं।१६

१५. तहियाणं तु भावाणं, सब्भावे उवएसणं।

भावेणं सद्दहंतस्स, सम्मत्तं तं वियाहियं।।

इन तथ्य भावों के सद्भाव (वास्तविक अस्तित्व) के निरूपण में जो अन्त:करण से श्रद्धा करता है, उसे सम्यक्त्व कहा गया है।

१६. निसग्गुवएसरुई, आणारुइ सुत्तबीयरुइमेव।

अभिगमवित्थाररुई, किरियासंखेवधम्मरुई।।

वह दस प्रकार का है—निसर्गरुचि, उपदेशरुचि, आज्ञारुचि, सूत्ररुचि, बीजरुचि, अभिगमरुचि, विस्ताररुचि, क्रियारुचि, संक्षेपरुचि और धर्मरुचि।१७

१७. भूयत्थेणाहिगया, जीवाजीवा य पुण्णपावं च।

सहसम्मुइयासवसंवरो य, रोएइ उ निसग्गो।।

जो परोपदेश के बिना केवल पूर्वजन्म की स्मृति आदि१८ से उपजे हुए भूतार्थ (यथार्थ ज्ञान)१९ से जीव, अजीव, पुण्य, पाप को जानता है और जो आश्रव और संवर पर श्रद्धा करता है, वह निसर्ग-रुचि है।

१८. जो जिणदिट्ठे भावे, चउव्विहे सद्दहाइ सयमेव।

एमेव नन्नह त्ति य, निसग्गरुइ त्ति नायव्वो।।

जो जिनेन्द्र द्वारा दृष्ट२० तथा द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव से विशेषित पदार्थों पर स्वयं ही—''यह ऐसा ही है अन्यथा नहीं है''—ऐसी श्रद्धा रखता है, उसे निसर्ग रुचि वाला जानना चाहिए।

१९. एए चेव उ भावे, उवइट्ठे जो परेण सद्दहई।

छउमत्थेण जिणेण व, उवएसरुइ त्ति नायव्वो।।

जो दूसरों—छद्मस्थ का जिन—के द्वारा उपदेश प्राप्त कर, इन भावों पर श्रद्धा करता है, उसे उपदेश-रुचि वाला जानना चाहिए।

२०. रागो दोसो मोहो, अण्णाणं जस्स अवगयं होइ।

आणाए रोयंतो, सो खलु आणारुई नाम।।

जो व्यक्ति राग, द्वेष, मोह और अज्ञान२१ के दूर हो जाने पर वीतरग की आज्ञा२२ में रुचि रखता है, वह आज्ञा-रुचि है।

२१. जो सुत्तमहिज्जंतो, सुएण ओगाहई उ सम्मत्तं।

अंगेण बाहिरेण व, सो सुत्तरुइ त्ति नायव्वो।।

जो अंग-प्रविष्ट या अंग-बाह्य सूत्रों को पढ़ता हुआ उनके द्वारा सम्यक्त्व पाता है, वह सूत्र-रुचि है।

२२. एगेण अणेगाइं, पयाइं जो पसरई उ सम्मत्तं।

उदए व्व तेल्लबिंदू, सो बीयरुइ त्ति नायव्वो।।

पानी में डाले हुए तेल की बूंद की तरह जो सम्यक्त्व (रुचि) एक पद (तत्त्व) से अनेक पदों में फैलता है, से बीज-रुचि जानना चाहिए।

२३. सो होइ अभिगमरुई, सुयनाणं जेण अत्थओ दिट्ठं।

एक्कारस अंगाइं, पइण्णगं दिट्ठिवाओ य।।

जिसे ग्यारह अंग, प्रकीर्णक और दृष्टिवाद आदि श्रुतज्ञान अर्थ सहित प्राप्त है, वह अभिगम-रुचि है।

२४. दव्वाण सव्वभावा, सव्वपमाणेहि जस्स उवलद्धा।

सव्वाहि नयविहीहि य, वित्थाररुइ त्ति नायव्वो।।

जिसे द्रव्यों के सब भाव, सभी प्रमाणों और सभी नय-विधियों से उपलब्ध है, वह विस्तार-रुचि है।

२५. दंसणनाणचरित्ते, तवविणए सच्चसमिइगुत्तीसु।

जो किरियाभावरुई, सो खलु किरियारुई नाम।।

दर्शन, ज्ञान, चारित्र, तप, विनय, सत्य, समिति, गुप्ति आदि क्रियाओं में जिसकी वास्तविक रुचि है, वह क्रिया-रुचि है।

२६. अणभिग्गहियकुदिट्ठी, संखेवरुइ त्ति होइ नायव्वो।

अविसारओ पवयणे, अणभिग्गहिओ य सेसेसु।।

जिसमें कुदृष्टि (एकान्तवाद) की पकड़ नहीं है, उसे संक्षेप-रुचि जानना चाहिए। वह जिन-प्रवचन में विशारद नहीं होता और अन्य दर्शनों का भी जानकर नहीं होता

२७. जो अत्थिकायधम्मं, सुयधम्मं खलु चरित्तधम्मं च।

सद्दहइ जिणाभिहियं, सो धम्मरुइ त्ति नायव्वो।।

जो जिन-प्ररूपित अस्तिकाय-धर्म, श्रुत-धर्म और चारित्र-धर्म में श्रद्धा रखता है, उसे धर्म-रुचि जानना चाहिए।२३

२८. परमत्थसंथवो वा, सुदिट्ठपरमत्थसेवणा वा वि।

वावन्नकुदंसणवज्जणा, य सम्मत्तसद्दहणा।।

परमार्थ का परिचय, जिन्होंने परमार्थ को देखा है उसकी सेवा, व्यापन्नदर्शनी (सम्यक्त्व से भ्रष्ट) और कुदर्शनी व्यक्तियों का वर्जन, यह सम्यक्त्व का श्रद्धान है।

२९. नत्थि चरित्तं सम्मत्तविहूणं, दंसणे उ भइयव्वं।

सम्मत्तचरित्ताइं, जुगवं पुव्वं व सम्मत्तं।।

सम्यक्त्व-विहीन चारित्र नहीं होता। दर्शन (सम्यक्त्व) में चारित्र की भजना (विकल्प) है। इस प्रकार सम्यक्त्व और चारित्र के दो विकल्प बनते हैं। प्रथम विकल्प—सम्यक्त्व और चारित्र युगपत्—एक साथ होते हैं, उनका सहभाव होता है। दूसरा विकल्प—वे युगपत् नहीं होते, वहां पहले सम्यक्त्व होता है।२४

३०. नादंसणिस्स नाणं, नाणेण विणा न हुंति चरणगुणा।

अगुणिस्स नत्थि मोक्खो, नत्थि अमोक्खस्स निव्वाणं।।

अदर्शनी (असम्यक्त्वी) के ज्ञान (सम्यग् ज्ञान) नहीं होता, ज्ञान के बिना चारित्र-गुण नहीं होते। अगुणी व्यक्ति की मुक्ति नहीं होती। अमुक्त का निर्वाण नहीं होता।

३१. निस्संकिय निक्कंखिय, निव्वितिगिच्छा अमूढदिट्ठी य।

उववूह थिरीकरणे, वच्छल्ल पभावणे अट्ठ।।

नि:शंका, निष्कांक्षा, निर्विचिकित्सा, अमूढ-दृष्टि, उपबृंहण (सम्यक् दर्शन की पुष्टि), स्थिरीकरण, वात्सल्य और प्रभावना—ये सम्यक्त्व के आठ अंग हैं।२५

३२. सामाइयत्थ पढमं, छेओवट्ठावणं भवे बीयं।

परिहारविसुद्धीयं, सुहुमं तह संपरायं च।।

चारित्र पांच प्रकार के होते हैं—पहला—सामायिक, दूसरा—छेदोपस्थापनीय, तीसरा—परिहार-विशुद्धि, चौथा—सूक्ष्म-सम्पराय और

३३. अकसायं अहक्खायं, छउमत्थस्स जिणस्स वा।

एयं चयरित्तकरं, चारित्तं होइ आहियं।।

पांचवां—यथाख्यात-चारित्र। यह कषाय रहित होता है। वह छद्मस्थ और केवली दोनों के होता है। ये सभी चारित्र कर्म-संचय को रिक्त करते हैं, इसीलिए इन्हें चारित्र कहा जाता है।२६

३४. तवो य दुविहो वुत्तो, बाहिरब्भंतरो तहा।

बाहिरो छव्विहो वुत्तो, एवमब्भंतरो तवो।।

तप दो प्रकार का कहा है—बाह्य और आभ्यन्तर। बाह्य-तप छह प्रकार का कहा है। इसी प्रकार आभ्यन्तर-तप भी छह प्रकार का है।

३५. नाणेण जाणई भावे, दंसणेण य सद्दहे।

चरित्तेण निगिण्हाइ, तवेण परिसुज्झई।।

जीव ज्ञान से पदार्थों को जानता है, दर्शन से श्रद्धा करता है, चारित्र से निग्रह करता है और तप से शुद्ध होता है।

३६. खवेत्ता पुव्वकम्माइं, संजमेण तवेण य।

सव्वदुक्खप्पहीणट्ठा, पक्कमंति महेसिणो।।

सर्व दु:खों से मुक्ति पाने का लक्ष्य रखने वाले महर्षि संयम और तप के द्वारा पूर्व-कर्मों का क्षय कर सिद्धि को प्राप्त होते हैं।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २८ : खलुंकीय

१. चार कारणों से संयुक्त (चउकारणसंजुत्तं..)

मोक्षगति के चार कारण हैं। वे अगले श्‍लोक में प्रतिपादित हैं। मोक्षमार्ग की गति उन चार कारणों से संयुक्त होती है। ज्ञान और दर्शन उनके लक्षण बतलाए गए हैं। ज्ञान और दर्शन का कारण के रूप में प्रतिपादन है फिर लक्षण के रूप में उनका प्रतिपादन क्यों? इसका समाधान यह है कि साधना-काल में ज्ञान और दर्शन मोक्ष के साधन हैं। सिद्धि-अवस्था में वे आत्मा के स्वरूप हैं। चार कारणों में उनका साधन के रूप में उल्लेख है। लक्षण में उनका आत्म-स्वरूप विषयक उल्लेख है।

२. (श्‍लोक २)

इस श्‍लोक में मोक्ष के चार मार्ग—(१) ज्ञान, (२) दर्शन, (३) चारित्र और (४) तप का नाम-निर्देश है। 'तप' चारित्र का ही एक प्रकार है किंतु इसमें कर्म-क्षय करने की विशिष्ट शक्ति होने के कारण इसे यहां स्वतंत्र स्थान दिया गया है। उमास्वाति ने ''सम्यग्दर्शनज्ञानचारित्राणि मोक्षमार्ग:''—इस सूत्र में तपस्या को स्वतंत्र स्थान नहीं दिया है। इस प्रकार मोक्ष-मार्ग की संख्या के सम्बन्ध में दो परम्पराएं प्राप्त हैं। इनमें केवल अपेक्षा-भेद है। तप को चारित्र के अन्तर्गत मान लेने पर मोक्ष के मार्ग तीन बन जाते हैं और इसे स्वतंत्र मान लेने पर चार।

बौद्ध-साहित्य में अष्टांगिक-मार्ग को मुक्ति का कारण माना गया है। (१) सम्यक् दृष्टि, (२) सम्यक् संकल्प, (३) सम्यक् वचन, (४) सम्यक् कर्मान्त, (५) सम्यक् आजीव, (६) सम्यक् व्यायाम, (७) सम्यक् स्मृति और (८) सम्यक् समाधि—ये अष्टांगिक-मार्ग कहलाते हैं।

३. (श्‍लोक ४)

इस श्‍लोक में जैनदर्शनाभिमत पांच ज्ञानों—(१) श्रुतज्ञान, (२) आभिनिबोधिकज्ञान, (३) अवधिज्ञान, (४) मन:ज्ञान (मन:पर्यवज्ञान) और (५) केवलज्ञान का उल्लेख हुआ है। इसी ग्रन्थ (३३।४) में ज्ञानावरण के भेदों में इन पांच ज्ञानों का उल्लेख हुआ है। वहां भी यही क्रम है। साधारणत: ज्ञान के उल्लेख का क्रम है—मति, श्रुत, अवधि, मन:पर्यव और केवल। परन्तु इस श्‍लोक में श्रुत के बाद आभिनिबोधिक (मति) का उल्लेख हुआ है। टीकाकारों ने इसका कारण बतलाते हुए कहा है कि शेष सभी ज्ञानों (मति, अवधि, मन:पर्यव और केवल) का स्वरूप-ज्ञान इस श्रुतज्ञान से ही होता है। अत: इसकी प्रधानता दिखाने के लिए ऐसा किया गया है। इसकी पुष्टि अनुयोगद्वार सूत्र से भी होती है। यह भी सम्भव है कि छन्द की दृष्टि से ऐसा किया गया हो।

इन्द्रियां योग्य देश में अवस्थित वस्तु को ही जान सकती हैं, इसका बोध 'अभि' के द्वारा होता है। वे अपने-अपने निश्‍चित विषय को ही जान सकती हैं, इसका बोध 'नि' के द्वारा होता है। जिस ज्ञान के द्वारा योग्य देश में अवस्थित वस्तु का ज्ञान और निश्‍चित विषय का बोध होता है, वह आभिनिबोधिक ज्ञान है।

'आभिनिबोधिकज्ञान' मतिज्ञान का ही पर्यायवाची है। नन्दी सूत्र में दोनों शब्दों का प्रयोग हुआ है। अनुयोगद्वार में केवल 'आभिनिबोधिक' का ही प्रयोग है। नंदी में ईहा, अपोह, विमर्श, मार्गणा, गवेषणा, संज्ञा, स्मृति, मति और प्रज्ञा को आभिनिबोधिक ज्ञान माना है। तत्त्वार्थ (१।१३) में मति, स्मृति, संज्ञा, चिन्ता और आभिनिबोध को एकार्थक माना गया है।

मति और श्रुत अन्योन्याश्रित हैं—'जत्थाभिणिबोहियनाणं तत्थ सुयनाणं, जत्थ सुयनाणं तत्थाभिणिबोहियनाणं'—जहां मति है, वहां श्रुत है और जहां श्रुत है, वहां मति है।

श्रुतज्ञान मति-पूर्वक ही होता है, परन्तु मतिज्ञान श्रुत-पूर्वक नहीं होता। सर्वार्थसिद्धि और राजवार्तिक में भी इसी मत का समर्थन है। श्रुतज्ञान मति-पूर्वक ही होता है, जबकि मतिज्ञान के लिए यह आवश्यक नहीं कि वह श्रुत-पूर्वक ही हो। जिनभद्र कहते हैं कि जो ज्ञान श्रुतानुसारी है, वह भाव-श्रुत है, शेष मति है।

मतिज्ञान दो प्रकार का है—(१) श्रुत-निश्रित और (२) अश्रुत-निश्रित।

श्रुत-निश्रित के चार भेद हैं—(१) अवग्रह, (२) ईहा, (३) अवाय और (४) धारणा।४ इन्हें सांव्यावहारिक प्रत्यक्ष भी कहा गया है।

अश्रुत-निश्रित के चार भेद हैं—(१) औत्पत्तिकी, (२) वैनयिकी, (३) कर्मजा और (४) पारिणामिकी।

पांच इन्द्रिय और मन के साथ अवग्रह आदि का गुणन करने से मतिज्ञान २८ प्रकार का होता है। चक्षु और मन व्यंजनावग्रह नहीं होता। तालिका इस प्रकार होती है :

सिद्धसेन दिवाकर श्रुतज्ञान को मतिज्ञान से भिन्न नहीं मानते। उनके अनुसार इसको भिन्न मानने से वैर्थ्य और अतिप्रसंग दोष आते हैं।

सिद्धसेन दिवाकर की यह मान्यता निराधार नहीं है। क्योंकि मतिविज्ञान और श्रुतज्ञान—दोनों की कारण-सामग्री एक है। इन्द्रिय और मन दोनों के साधन हैं तथा श्रुतज्ञान मति के ही आगे की एक अवस्था है। श्रुत मति-पूर्वक ही होता है—इन सभी अपेक्षाओं से श्रुत को अलग मानने की कोई आवश्यकता नहीं रहती। श्रुत 'शाब्द-ज्ञान' है। इसकी अपनी विशेषता है। कारण-सामग्री एक होने पर भी मतिज्ञान केवल वर्तमान को ही ग्रहण करता है। परन्तु श्रुतज्ञान का विषय 'त्रैकालिक' है। इसका विशेष सम्बन्ध 'मन' से रहता है। सारा आगम-ज्ञान श्रुतज्ञान है। इस अपेक्षा से इसका भिन्न निरूपण भी युक्ति-संगत है।

प्रमाण के दो भेद हैं—प्रत्यक्ष और परोक्ष। मतिज्ञान और श्रुतज्ञान—इन दोनों का परोक्ष में समावेश किया गया है और शेष तीनों—अवधिज्ञान, मन:पर्यवज्ञान और केवलज्ञान का प्रत्यक्ष में।

परोक्ष प्रमाण के पांच भेद हैं—स्मृति, प्रत्यभिज्ञा, तर्क, अनुमान और आगम।

इनमें प्रथम चार मतिज्ञान के प्रकार हैं और आगम श्रुतज्ञान है। वस्तुत: ज्ञान एक ही है—केवलज्ञान। शेष सभी ज्ञान की अविकसित अवस्था के द्योतक हैं। सभी का अन्तर्भाव केवलज्ञान में सहज ही हो जाता है।

एक अपेक्षा से ज्ञान दो प्रकार का है—इन्द्रिय-ज्ञान और अतीन्द्रिय-ज्ञान। मतिज्ञान और श्रुतज्ञान इन्द्रिय-ज्ञान हैं। अवधि, मन:पर्यव और केवल—अतीन्द्रिय-ज्ञान हैं।

अथवा ज्ञान तीन हैं—(१) मति-श्रुत, (२) अवधि- मन:पर्यव, (३) केवलज्ञान।

मति-श्रुत की एकात्मकता के बारे में पहले लिखा जा चुका है। अवधि और मन:पर्यव भी विषय की दृष्टि से एक हैं, इसीलिए इस अपेक्षा से उन्हें एक विभाग में मान लेना अयुक्त नहीं है। केवलज्ञान की अपनी स्वतंत्र सत्ता है ही।

श्रुतज्ञान

आप्त पुरुष द्वारा प्रणीत आगम या अन्य शास्त्रों से जो ज्ञान होता है, उसे श्रुतज्ञान कहते हैं अथवा शब्द, संकेत आदि से होने वाला ज्ञान श्रुतज्ञान है अथवा वाच्य और वाचक के सम्बन्ध से होने वाला ज्ञान श्रुतज्ञान है। श्रुतज्ञान साक्षर होने के साथ-साथ वचनात्मक होता है। मतिज्ञान साक्षर हो सकता है, वचनात्मक नहीं। श्रुतज्ञान त्रैकालिक होता है, उसका विषय प्रत्यक्ष नहीं होता। शब्द के द्वारा उसके वाच्यार्थ को जानना और शब्द के द्वारा ज्ञात अर्थ को फिर से प्रतिपादित करना—यही इसकी समर्थता है। मति और श्रुत में कार्य-कारणभाव सम्बन्ध है। मति कारण है और श्रुत कार्य। श्रुतज्ञान का वास्तविक कारण श्रुत-ज्ञानावरण कर्म का क्षयोपशम है। मतिज्ञान उसका बहिरंग कारण है।

श्रुतज्ञान के दो प्रकार हैं—अंग-वाह्य और अंग-प्रविष्ट।

तीर्थङ्कर द्वारा उपदिष्ट और गणधरों द्वारा प्रणीत शास्त्र अंग-प्रविष्ट कहलाते हैं। स्थविर या आचार्यों द्वारा प्रणीत शास्त्र अंग-बाह्य कहलाते हैं। अंग-प्रविष्ट के बारह भेद हैं। अंग-बाह्य के कालिक, उत्कालिक आदि अनेक भेद हैं।

आवश्यक निर्युक्ति में कहा गया है कि जितने अक्षर हैं और उनके जितने विविध संयोग हैं, उतने ही श्रुतज्ञान के भेद हैं। उसके मुख्य भेद १४ हैं—

(१) अक्षर श्रुत

(२) अनक्षर श्रुत

(३) संज्ञी श्रुत

(४) असंज्ञी श्रुत

(५) सम्यक् श्रुत

(६) मिथ्या श्रुत

(७) सादि श्रुत

(८) अनादि श्रुत

(९) सपर्यवसित श्रुत

(१०) अपर्यवसित श्रुत

(११) गमिक श्रुत

(१२) अगमिक श्रुत

(१३) अंग-प्रविष्ट श्रुत

(१४) अनंग-प्रविष्ट श्रुत।

विशेष विवरण के लिए देखें-नंदी, सूत्र ५५-१२७।

पांच ज्ञानों में चार ज्ञान स्थाप्य हैं—केवल स्वार्थ हैं। परार्थज्ञान केवल एक है। वह है श्रुतज्ञान। उसी के माध्यम से सारा विचार-विनिमय और प्रतिपादन होता है।

अवधिज्ञान

यह नोइन्द्रिय प्रत्यक्ष-ज्ञान का एक प्रकार है। यह मूर्त द्रव्यों को साक्षात् जानता है। द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव की अवधियों से यह बंधा रहता है, अत: इसे अवधिज्ञान कहते हैं।

इसके दो प्रकार हैं—भव-प्रत्ययिक और क्षायोपशमिक।

देव और नारक को होने वाला अवधिज्ञान 'भव-प्रत्ययिक' कहलाता है। यह जन्म-जात होता है अर्थात् देवगति और नरकगति में उत्पन्न होते ही यह ज्ञान हो जाता है। तिर्यंच और मनुष्य को उत्पन्न होने वाला अवधिज्ञान 'क्षायोपशमिक' कहलाता है। दोनों में आवरण का क्षयोपशम तो होता ही है। अन्तर केवल प्राप्ति के प्रकार में होता है। भव-प्रत्ययिक में जन्म ही प्रधान निमित्त होता है और क्षायोपशमिक में वर्तमान साधना ही प्रधान निमित्त होती है। अवधिज्ञान के छह प्रकार हैं—

(१) अनुगामी—जो सर्वत्र अवधिज्ञानी का अनुगमन करे।

(२) अननुगामी—उत्पत्ति-क्षेत्र के अतिरिक्त क्षेत्र में जो न रहे।

(३) वर्द्धमान—उत्पत्ति-काल से जो क्रमश: बढ़ता रहे।

(४) हीयमान—जो क्रमश: घटता रहे।

(५) प्रतिपाती—उत्पन्न होकर जो वापस चला जाए।

(६) अप्रतिपाती—जो आजीवन रहे अथवा केवलज्ञान उत्पन्न होने तक रहे।

विस्तृत वर्णन के लिए देखिए... नंदी, सूत्र ७-२२।

मन:पर्यवज्ञान

यह मन के पर्यायों का साक्षात् करने वाला ज्ञान है। इसके दो भेद हैं—ऋजुमति और विपुलमति।

यह द्रव्य की अपेक्षा से मन रूप में परिणत पुद्गल को, क्षेत्र की अपेक्षा से मनुष्य क्षेत्र तक, काल की अपेक्षा से असंख्य काल तक के अतीत और भविष्य को और भाव की अपेक्षा से मनोवर्गणा की अनन्त अवस्थाओं को जानता है।

मन:पर्यव के विषय में दो परम्पराएं हैं। एक परम्परा यह मानती है कि मन:पर्यवज्ञानी चिंतित अर्थ का प्रत्यक्ष कर लेता है। दूसरी परम्परा यह मानती है कि मन:पर्यवज्ञानी मन की विविध अवस्थाओं को तो प्रत्यक्ष करता है, किंतु उनके अर्थ को अनुमान से जानता है। आधुनिक भाषा में इसे मनोविज्ञान का विकसित रूप कहा जा सकता है।

अवधि और मन:पर्यव

दोनों ज्ञान रूपी द्रव्य तक सीमित हैं, अपूर्ण हैं। इन्हें विकल-प्रत्यक्ष कहा जाता है। चार दृष्टियों से दोनों में भिन्नता है—

(१) विषय की दृष्टि से—मन:पर्यवज्ञान अवधिज्ञान की अपेक्षा सूक्ष्मता से और विशदता से जानता है। अवधिज्ञान का विषय सभी रूप द्रव्य हैं, मन:पर्यवज्ञान का विषय केवल मन है।

(२) क्षेत्र की दृष्टि से—अवधिज्ञान का विषय अंगुल के असंख्यातवें भाग से लेकर सारा लोक है, मन:पर्यव का विषय मनुष्य लोक पर्यन्त है।

(३) स्वामी की दृष्टि से—अवधिज्ञान का स्वामी देव, नारक, मनुष्य और तिर्यंच—कोई भी हो सकता है, मन:पर्यवज्ञान का अधिकारी केवल मुनि ही हो सकता है।

उक्त विवेचन से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि दोनों एक ही ज्ञान की दो अवस्थाएं हैं। मति-श्रुत की तरह इन्हें भी कंथचित् एक मान लेना अयुक्त नहीं है।

केवलज्ञान

यह पूर्ण ज्ञान है। इसे सकल-प्रत्यक्ष कहा जाता है। इसका विषय है—सर्व द्रव्य और सर्व पर्याय। केवलज्ञान प्राप्त होने पर ज्ञान एक ही रह जाता है।

४. जो गुणों का आश्रय होता है, वह द्रव्य है (गुणाणमासओ दव्वं)

जो गुणों का आश्रय—अनन्त गुणों का पिण्ड है, वह द्रव्य है। यह उत्तराध्ययन-कालीन परिभाषा है।

उत्तरवर्ती साहित्य में द्रव्य की जो परिभाषा हुई, उसमें कुछ अधिक जुड़ा है। वह दो प्रकार से प्राप्त होती है—

(१) जो गुण-पर्यायवान् है, वह द्रव्य है।

(२) जो सत् है, उत्पाद-व्यय-ध्रौव्यात्मक है वह द्रव्य है।

वाचक उमास्वाति ने 'पर्याय' शब्द और अधिक जोड़ा है। उसकी तुलना महर्षि कणाद के 'क्रिया' शब्द से होती है। दूसरी परिभाषा जैन-परम्परा की अपनी मौलिक है।

जैन-साहित्य में 'द्रव्य' शब्द अनेक अर्थों में प्रयुक्त हुआ है—

द्रव्य—जिसमें पूर्व रूप का प्रलय और उत्तर रूप का निर्माण होता रहता है।

द्रव्य—सत्ता का अवयव।

द्रव्य—सत्ता का विकार।

द्रव्य—गुण-समूह।

द्रव्य—भावी पर्याय के योग्य।

द्रव्य—भूत पर्याय के योग्य।

वैशेषिक दर्शन के अनुसार जिसमें 'क्रिया और गुण हों और जो समवायी कारण हो', उसे द्रव्य कहते हैं। उनके द्वारा सम्मत छह पदार्थों में 'द्रव्य' एक पदार्थ है। 'द्रव्य' आश्रय है; गुण और कर्म उस पर आश्रित हैं। वैशेषिकों ने द्रव्य नौ माने हैं और उनको तीन श्रेणियों में विभक्त किया है—

(१) प्राकृत—पृथ्वी, जल, तेज, वायु और आकाश।

(२) अप्राकृत—अचेतन-काल और देश।

(३) चेतन—आत्मा और मन।

पाश्‍चात्य दार्शनिक प्लेटो ने पांच परम जातियां मानी हैं—(१) द्रव्य, (२) अन्यत्व, (३) विभिन्नता, (४) गति और (५) अगति। इनकी संगति जैन पारिभाषिक शब्दों में इस प्रकार है—अन्यत्व अस्तित्व का सूचक है। विभिन्नता नास्तित्व का सूचक है। गति उत्पाद और व्यय की तथा अगति ध्रौव्य की सूचक है।

अरस्तू ने दस परम जातियां मानी हैं—(१) द्रव्य, (२) गुण, (३) मात्रा, (४) सम्बन्ध, (५) क्रिया, (६) आक्रान्ता, (७) देश, (८) काल, (९) स्वामित्व और (१०) स्थिति।

स्पिनोजा ने कहा—सारी सत्ता एक द्रव्य ही है। उसमें अनन्त गुण हैं, परन्तु हम अपनी सीमाओं के कारण केवल दो गुणों—चिन्तन और विस्तार से परिचित हैं। चिन्तन क्रिया है और विस्तार गुण। इस तरह यह वैशेषिक दर्शन के निकट आ जाता है। द्रव्य के लिए स्पिनोजा ने 'सब्सटेन्स' (Substance) शब्द का प्रयोग किया है। इसका अर्थ है—नीचे खड़ा होने वाला, सहारा देने वाला। आशय यह है कि सब्सटेन्स गुणों का सहारा या आलम्बन है। उसके अनुसार द्रव्य या सत् के लिए बहुवचन का प्रयोग अनुचित है। सत् या द्रव्य एक ही है और जो कुछ भी है इसके अन्तर्गत आ जाता है।

कुमारिल के अनुसार 'जिसमें क्रिया और गुण हो', वह द्रव्य है। उनके अनुसार द्रव्य के ११ भेद हैं—(१) पृथ्वी, (२) जल, (३) तेज, (४) वायु, (५) आकाश, (६) दिग्, (७) काल, (८) आत्मा, (९) मन (१०) अन्धकार तथा (११) शब्द।

डेकार्ट ने दो द्रव्य माने हैं—आत्मा और प्रकृति। इन्हीं को उन्होंने सत् की दो परम जातियां कहा है। आत्मा—चेतन है और विस्तार रहित है। प्रकृति—अचेतन है और विस्तार इसका तत्त्व है।

५. जो एक (केवल) द्रव्य के आश्रित रहते हैं, वे गुण होते हैं (एगदव्वस्सिया गुणा)

'जो एक मात्र द्रव्य आश्रित होते हैं, वे गुण कहलाते हैं'—यह गुण की उत्तराध्ययन-कालीन परिभाषा है। तत्त्वार्थ- सूत्रकार ने 'द्रव्याश्रया निर्गुणा गुणा:' जो द्रव्य में रहते हों तथा स्वयं निर्गुण हों, वे गुण हैं—ऐसी परिभाषा की है। इसमें 'निर्गुण' शब्द अधिक आया है। इसकी तुलना महर्षि कणाद के 'अगुणवान्' शब्द से की जा सकती है। द्रव्य के आश्रय में रहने वाला वही 'गुण' गुण है जिसमें दूसरे गुणों का सद्भाव न हो अथवा जो निर्गुण हो। अन्यथा घट में रहा हुआ पानी भी घट द्रव्य का गुण बन जाता है।

यह माना जाता है कि प्राचीन युग में 'द्रव्य' और 'पर्याय'—ये दो शब्द ही प्रचलित थे। तार्किक युग में 'गुण' शब्द पर्याय के भिन्न अर्थ में प्रयुक्त हुआ ऐसा जान पड़ता है। कई आगम-ग्रन्थों में गुण और पर्याय शब्द भी मिलते हैं। परन्तु गुण 'पर्याय' का ही एक भेद है। अत: दोनों का अभेद मानना भी अयुक्त नहीं है। सिद्धसेन दिवाकर, आचार्य हेमचन्द्र, उपाध्याय यशोविजयजी आदि मनीषी विद्वानों ने गुण और पर्याय के अभेद का समर्थन किया है। उनका तर्क है कि आगमों में गुण-पद का यदि पर्याय-पद से भिन्न अर्थ अभिप्रेत होता तो जैसे भगवान ने द्रव्यार्थिक और पर्यायार्थिक दो प्रकार से देशना की है, वैसे ही तीसरी गुणार्थिक देशना भी करते। किंतु ऐसा नहीं किया गया, इसलिए प्राचीनतम परम्परा में 'गुण' पर्याय का अर्थ-वाची रहा है। उत्तराध्ययन में पर्याय का लक्षण गुण से पृथक् किया गया है। इसे उत्तरकालीन विकास माना जा सकता है। द्रव्य के दो प्रकार के धर्म होते हैं—(१) सहभावी और (२) क्रमभावी।

सहभावी धर्म 'गुण' कहलाता है और क्रमभावी धर्म 'पर्याय'। 'गुण' द्रव्य का व्यवच्छेदक धर्म होता है, अन्य द्रव्यों से पृथक् सत्ता स्थापित करता है। वह दो प्रकार का होता है—(१) सामान्य और (२) विशेष।

सामान्य गुण छह हैं—(१) अस्तित्व, (२) वस्तुत्व, (३) द्रव्यत्व, (४) प्रमेयत्व, (५) प्रदेशत्व और (६) अगुरुलघुत्व।

विशेष गुण सोलह हैं—(१) गति-हेतुत्व, (२) स्थिति-हेतुत्व, (३) अवगाह-हेतुत्व, (४) वर्तना-हेतुत्व, (५) स्पर्श, (६) रस, (७) गन्ध, (८) वर्ण, (९) ज्ञान, (१०) दर्शन, (११) सुख, (१२) वीर्य, (१३) चेतनत्व, (१४) अचेतनत्व, (१५) मूर्त्तत्व और (१६) अमूर्त्तत्व।

द्रव्य छह हैं—(१) धर्मास्तिकाय, (२) अधर्मास्तिकाय, (३) आकाशास्तिकाय, (४) काल, (५) पुद्गलास्तिकाय और (६) जीवास्तिकाय। इन छहों में द्रव्यत्व, प्रमेयत्व, नित्यत्व आदि सामान्य धर्म पाए जाते हैं। ये इनके सामान्य गुण हैं। ये द्रव्य के लक्षण नहीं बनते। छहों द्रव्यों में एक- एक व्यवच्छेदक-धर्म—विशेष-धर्म भी है। जैसे—धर्मास्तिकाय का गति हेतुत्व गुण, अधर्मास्तिकाय का स्थिति हेतुत्व गुण, आकाशास्तिकाय का अवगाहना हेतुत्व गुण आदि-आदि।

वैशेषिक मत में संसार की सब वस्तुएं सात विभागों में बांटी गई हैं। उनमें 'गुण' का एक विभाग है। उनका मत है कि कार्य का असमवायि कारण 'गुण' है अर्थात् अनपेक्ष होने पर भी जो कारण नहीं बनता, वह 'गुण' है। ये गुण चौबीस हैं—(१) रूप, (२) रस, (३) गन्ध, (४) स्पर्श, (५) संख्या, (६) परिणाम, (७) पृथक्त्व, (८) संयोग, (९) विभाग, (१०) परत्व, (११) अपरत्व, (१२) गुरुत्व, (१३) द्रव्यत्व, (१४) स्‍नेह, (१५) शब्द, (१६) ज्ञान, (१७) सुख, (१८) दु:ख, (१९) इच्छा, (२०) द्वेष, (२१) प्रयत्‍न, (२२) धर्म, (२३) अधर्म और (२४) संस्कार।

गुण द्रव्य में ही रहते हैं। वे दो प्रकार के हैं—(१) विशेष और (२) साधारण। रूप, रस, गन्ध, शब्द, ज्ञान, सुख आदि विशेष गुण हैं।

प्रभाकर २१ गुण मानते हैं। वैशेषिक मत के २४ गुणों में से संख्या, विभाग, पृथक्त्व तथा द्वेष के स्थान पर 'वेग' का समावेश किया गया है।

भट्ट मत में १३ गुण माने गए हैं—(१) रूप, (२) रस, (३) गन्ध, (४) स्पर्श, (५) परिणाम, (६) पृथक्त्व, (७) संयोग, (८) विभाग, (९) परत्व, (१०) गुरुत्व, (११) अपरत्व, (१२) द्रवत्व और (१३) स्‍नेह।४

सांख्य मत में सत्त्व, रजस् और तमस्—ये तीन गुण माने गए हैं। उनका मत है कि इन्हीं तीन गुणों के संस्थान-भेद से वस्तुओं में भेद होता है। सत्त्व का स्वरूप है—प्रकाश तथा हल्कापन, तमस् का धर्म है—अवरोध, गौरव, आवरण आदि और 'रजस्' का धर्म है—सतत क्रियाशील रहना।

६. पर्याय का (पज्जवाणं) :

जो द्रव्य और गुण दोनों के आश्रित होता है, उसे 'पर्याय' कहा जाता है। विशेष के दो भेद हैं—गुण और पर्याय। द्रव्य का जो 'सहभावी-धर्म' है, वह 'गुण' है और जो 'क्रमभावी-धर्म' है, वह 'पर्याय' है। इसे 'पर्यव' भी कहा जाता है। न्यायालोक की तत्त्वप्रभा वृत्ति में पर्याय की परिभाषा करते हुए लिखा है—''जो उत्पन्न होता है, विपत्ति (विनाश) को प्राप्त होता है अथवा जो समग्र द्रव्य को व्याप्त करता है उसे 'पर्याय' (पर्यव) कहते हैं।'' नयप्रदीप में भी यही व्याख्या दी गई है। वादिवेताल शान्तिसूरि के अनुसार समस्त द्रव्यों और समस्त गुणों में जो व्याप्त होते हैं, उन्हें 'पर्यव' कहा जाता है।

न्यायालोक की परिभाषा का प्रथम अंश 'क्रमभावी-धर्म' की अपेक्षा से है और द्वितीय अंश 'सहभावी-धर्म' की अपेक्षा से है। परिवर्तन जीव में भी होता है और अजीव में भी। इसके आधार पर परिवर्तन के दो रूप बनते हैं—(१) जीव-पर्याय और (२) अजीव-पर्याय।

परिवर्तन स्थूल भी होता है और सूक्ष्म भी। इसके आधार पर परिवर्तन के दो रूप बनते हैं—(१) व्यञ्जन-पर्याय और (२) अर्थ-पर्याय। स्थूल और कालान्तरस्थायी पर्याय को 'व्यञ्जन-पर्याय' कहते हैं तथा सूक्ष्म और वर्तमानकालवर्ती पर्याय को 'अर्थ-पर्याय' कहते हैं।

परिवर्तन स्वभाव से भी होता है और पर-निमित्त से भी। इसके आधार पर परिवर्तन के दो रूप बनते हैं—(१) स्वभाव-पर्याय और (२) विभाव-पर्याय। अगुरूलघुत्व आदि पर्याय स्वाभाविक हैं और मनुष्य, देव, नारक आदि वैभाविक पर्याय हैं। इन प्रत्येक का अनन्त, असंख्यात और संख्यात भाग गुण-वृद्धि से तीन तथा अनन्त, असंख्यात और अनन्त भाग गुण-हानि से तीन—यों छह-छह प्रकार करने से पर्याय के बारह भेद हो जाते हैं।

प्रथम कोटि के दो रूप परिवर्तन की सीमा का सूचन करते हैं। परिवर्तन जीव और अजीव दोनों में होता है। यह विश्‍व जीव-अजीवमय है। इसलिए कहना होगा कि समूचा विश्‍व परिवर्तन का क्षेत्र है।

द्वितीय कोटि के दो रूप परिवर्तन के स्वरूप का बोध कराने वाले हैं। परिवर्तन व्यक्त और अव्यक्त—दोनों प्रकार का होता है।

तृतीय कोटि के दो रूपों में परिवर्तन के दो कारणों का निर्देश है।

एकत्व, पृथकत्व, संख्या, संस्थान, संयोग, विभाग आदि पर्याय, पर्याय के लक्षण हैं।

७. धर्म, अधर्म (धम्मो अहम्मो)

जैन साहित्य में जहां धर्म-अधर्म शब्द का प्रयोग शुभ-अशुभ के अर्थ में होता है, वहां दो स्वतंत्र द्रव्यों के अर्थ में भी होता है। यहां उनका प्रयोग द्रव्य के अर्थ में है। धर्म अर्थात् गति-तत्त्व, अधर्म अर्थात् स्थिति-तत्त्व। नौवें श्‍लोक में इनकी परिभाषा करते हुए कहा है—धर्म का लक्षण है गति और अधर्म का लक्षण है स्थिति। भगवती में भी यह संक्षिप्त परिभाषा मिलती है। वहां इनके कार्य पर प्रकाश डालने वाला एक संवाद भी है—

गौतम ने भगवान् से पूछा—''भगवन्! धर्मास्तिकाय से क्या होता है?''

भगवान् ने कहा—''गौतम! जीवों के गमन, आगमन, भाषा, उन्मेष, मन-वचन ओर काया के योगों की प्रवृत्ति तथा इसी प्रकार के दूसरे चल-भाव धर्मास्तिकाय से ही होते हैं।''

जीवों की स्थिति, निषीदन, शयन, मन का एकत्व-भाव तथा इसी प्रकार के अन्य स्थिर-भाव अधर्मास्तिकाय से होते हैं।

सिद्धसेन दिवाकर इन्हें स्वतंत्र द्रव्य मानने की आवश्यकता नहीं समझते। वे लिखते हैं—

प्रयोगविस्रसाकर्म, तदभावस्थितिस्थता।

लोकानुभाववृत्तान्त:, किं धर्माधर्मयो: फलम्।।

इसका तात्पर्यार्थ है—गति दो प्रकार की होती है—

(१) प्रायोगिक और (२) स्वाभाविक। जीव और पुद्गल में दोनों प्रकार की गति होती है। अत: गति के लिए धर्मास्तिकाय की कोई उपयोगिता नहीं रहती। उसी प्रकार गति का अभाव ही स्थिति है। उसमें भी अधर्मास्तिकाय का कोई उपयोगी नहीं है। यहां यह भी प्रश्‍न होता है कि यदि गति-स्थिति स्वतंत्र है तो फिर जीव या पुद्गल अलोक में क्यों नहीं जा सकते? इसका समाधान भी उक्त श्‍लोक में आ गया है।

कहा है कि लोक का सामर्थ्य ही ऐसा है कि उसके अन्त तक पहुंचते ही जीव-पुद्गल की गति स्खलित हो जाती है। अत: धर्म और अधर्म का फल ही क्या है?

आचार्य सिद्धसेन की उक्ति में तार्किकता है पर लोक-अलोक की विभाजन-रेखा का निर्देश नहीं है। उन्होंने इस प्रश्‍न का समाधान प्रस्तुत नहीं किया कि धर्म और अधर्म को माने बिना लोक और अलोक का विभाजन कैसे होगा? वस्तुत: ये दो ही द्रव्य लोक-अलोक की सीमा-रेखाएं हैं।

ये द्रव्य की दृष्टि से एक द्रव्य हैं; क्षेत्र की दृष्टि से समूचे लोक में व्याप्त हैं; काल की दृष्टि से अनादि-अनन्त हैं; भाव की दृष्टि से अमूर्त्त हैं; गुण की दृष्टि से धर्म-गति-सहायक है और अधर्म-स्थिति-सहायक।

वैज्ञानिकों में सबसे पहले न्यूटन ने गति-तत्त्व (medium of motion) को स्वीकार किया। प्रसिद्ध गणितज्ञ अलवर्ट आइंस्टीन ने भी गति-तत्त्व स्थापित किया है। उन्होंने कहा—''लोक परिमित है, लोक के परे अलोक अपरिमित है। लोक के परिमित होने का कारण यह है कि द्रव्य अथवा शक्ति लोक के बाहर नहीं जा सकती। लोक के बाहर उस शक्ति-द्रव्य का अभाव है जो गति में सहायक होता है।''वैज्ञानिक गति-तत्त्व को ईथर (मजीमत) कहते हैं। इस ईथर के स्वरूप और उसकी उपयोगिता के विषय में सभी वैज्ञानिक एक मत नहीं है।

८. (श्‍लोक ७)

इस श्‍लोक में 'लोक' क्या है, इसका समाधान दिया गया है। जैन-दृष्टि से जो धर्म, अधर्म, आकाश, काल, पुद्गल और जीवमय है, वह लोक है। इसी आगम में अन्य स्थलों में तथा दूसरे आगमों में भी 'लोक' की भिन्न-भिन्न परिभाषाएं आई हैं। कहीं धर्मास्तिकाय को लोक कहा गया है, तथा कहीं जीव और अजीव को लोक कहा गया है। कहीं कहा है—लोक पंचास्तिकायमय है। इन परिभाषाओं का निरूपण अपेक्षा-भेद से किया गया है, अत: इन सबमें कोई विरोध नहीं है।

९. (श्‍लोक ८)

संख्या की दृष्टि से द्रव्यों के दो वर्गीकरण हैं—(१) एक संख्या वाला और (२) अनेक संख्या वाला। धर्म, अधर्म और आकाश संख्या से एक हैं और पुद्गल और जीव संख्या से अनेक। यह विभाग निष्कारण नहीं है। जो व्यापक होता है वह एक ही होता है, उसमें विभाग नहीं होते। 'एकं ब्रह्म' मानने वाले ब्रह्म को व्यापक मानते हैं। उसी प्रकार धर्म-अधर्म सम्पूर्ण लोक में व्याप्त हैं तथा आकाश लोक और अलोक दोनों में। अत: व्यक्तिश: ये एक द्रव्य हैं।

१०. काल का (कालो)

काल छह द्रव्यों में एक द्रव्य भी है और जीव-अजीव की पर्याय भी है।६ ये दोनों कथन सापेक्ष हैं, विरोधी नहीं। निश्‍चय-दृष्टि में काल जीव-अजीव की पर्याय है और व्यवहार-दृष्टि में वह द्रव्य है। उसे द्रव्य मानने के कारण उसकी उपयोगिता है। वह परिणाम का हेतु है, यही उसका उपकार है। इसी कारण वह द्रव्य माना जाता है। काल के समय (अविभाज्य-विभाग) अनन्त है।

काल को जीव-अजीव की पर्याय या स्वतंत्र द्रव्य मानना-ये दोनों मत आगम-ग्रन्थों में तथा उत्तरवर्ती-साहित्य में पाए जाते हैं। प्रस्तुत श्‍लोक के अनुसार काल का लक्षण वर्तना है—'वत्तणालक्खणो कालो'। उमास्वाति ने काल का लक्षण—'वर्तनापरिणाम: क्रिया परत्वापरत्वे च कालस्य' (तत्त्वार्थ ५।२) दिया है। इसकी आंशिक तुलना वैशेषिक दर्शन के 'अपरस्मिन्नपरं, युगपच्चिरं क्षिप्रमिति काललिंगानि' (२।२।२६)—इस सूत्र से की जा सकती है।

श्‍वेताम्बर परम्परा के अनुसार व्यावहारिक-काल मनुष्य-क्षेत्र प्रमाण है और औपचारिक द्रव्य है। नैश्‍चयिक-काल लोक-अलोक प्रमाण है।

दिगम्बर परम्परा के अनुसार 'काल' लोकव्यापी और अणु रूप है। काल को स्वतंत्र न मानने की परम्परा प्राचीन मालूम पड़ती है। क्योंकि लोक क्या है? इस प्रश्‍न का उत्तर श्‍वेताम्बर और दिगम्बर ग्रन्थों में एक-सा ही है कि 'लोक पंचास्तिकामय' है। जैनेत्तर दर्शनों में काल के सम्बन्ध में नैश्‍चयिक और व्यावहारिक दोनों पक्ष मिलते हैं। नैयायिक और वैशेषिक काल को सर्वव्यापी और स्वतंत्र द्रव्य मानते हैं। सांख्य, योग तथा वेदांत आदि दर्शन काल को स्वतंत्र द्रव्य न मान कर उसे प्रकृति-पुरुष का ही रूप मानते हैं। पहला पक्ष व्यवहार मूलक है और दूसरा निश्‍चय-दृष्टि मूलक।

श्‍वेताम्बर परम्परा की दृष्टि से औपचारिक और दिगम्बर परम्परा की दृष्टि से वास्तविक काल के उपकार या लिंग पांच हैं—(१) वर्तना, (२) परिणाम, (३) क्रिया, (४) परत्व और (५) अपरत्व।

नैययिकों के अनुसार परत्व, अपरत्व आदि काल के लिंग हैं और वे वैशेषिकों द्वारा प्रस्तुत काल सम्बन्धी वर्णन को मान्य करते हैं। वैशेषिक दर्शन के पूर्व, अपर, युगपत्, चिर और क्षिप्र—ये काल के लिंग माने हैं। काल सम्बन्धी यह पहला सूत्र है। इसके द्वारा वे काल-तत्त्व को स्वतंत्र स्थापित करते हैं और आगे के तीन सूत्रों से इसको द्रव्य, नित्य, एक और समस्त कार्यों के निमित्त रूप से वर्णित करते हैं।

नैयायिकों ने काल को नित्य माना है परन्तु मध्वाचार्य ने काल का प्रकृति से उत्पन्न होना और उसी में लय होना माना है। प्रलय-काल में भी काल की उत्पत्ति मानी जाती है और इसीलिए काल का आठवां हिस्सा 'प्रलय-काल' कहलाता है। काल में भी काल होता है—जैसे 'इदानीं प्रात: काल'। यहां इदानीं काल-वाचक है। काल सबका आधार है। अनित्य होने पर भी काल का प्रवाह नित्य है। यह सब कार्यों की उत्पत्ति का कारण भी है।

पूर्व मीमांसा के समर्थ व्याख्याकार पार्थसार्थमिश्र शास्त्रदीपिका की युक्तिस्‍नेहप्रपूरणी सिद्धांतचन्द्रिका में काल तत्त्व विषयक मान्यता को स्पष्ट करते हुए वैशेषिक दर्शन की मान्यता को स्वीकार करते हैं। केवल एक बात में भेद है—वैशेषिक काल को परोक्ष मानते हैं, मीमांसक प्रत्यक्ष मानते हैं।

सांख्य दर्शन में 'काल' नामक कोई स्वतंत्र तत्त्व नहीं है। उनके अनुसार काल प्राकृतिक परिणमन मात्र है। जड़ जगत् प्रकृति का विकार है। इस विकार और परिणाम के आधार पर ही सांख्यों ने विश्‍वगत समस्त काल-साध्य व्यवहारों की उत्पत्ति मानी है।

डॉ. आइंस्टीन के अनुसार आकाश और काल कोई स्वतंत्र तथ्य नहीं हैं। ये द्रव्य या पदार्थ के धर्म मात्र हैं। उन्होंने वस्तु का अस्तित्व चार दिशाओं में—लम्बाई, चौड़ाई, गहराई और ऊंचाई—माना है। वस्तु का रेखागणित (ऊंचाई, लम्बाई, चौड़ाई) में प्रसार आकाश है और उनका क्रमानुगत प्रसार काल है। काल और आकाश दो भिन्न तथ्य नहीं हैं। ज्यों-ज्यों काल बीतता है, त्यों-त्यों वह लम्बा होता जा रहा है। काल आकाश-सापेक्ष है। काल की लम्बाई के साथ-साथ आकाश का भी प्रसार हो रहा है। इस प्रकार काल और आकाश दोनों वस्तु-धर्म हैं।

काल अस्तिकाय नहीं है, क्योंकि उसका स्कन्ध या तिर्यक् प्रचय नहीं होता। काल के अतीत समय नष्ट हो जाते हैं, अनागत समय अनुत्पन्न होते हैं इसलिए उनका स्कन्ध नहीं होता। वर्तमान समय एक होता है, इसलिए उसका तिर्यक्-प्रचय नहीं होता।

दिगम्बर-परम्परा के अनुसार कालाणुओं की संख्या लोकाकाश के तुल्य है।

काल के विभाग

काल चार प्रकार का होता है—

(१) प्रमाणकाल—काल के दिवस-रात्री आदि विभाग,

(२) यथायु:निवृत्तिकाल—आयुष्य के अनुरूप नरक आदि गतियों में रहने का काल।

(३) मरणकाल—मृत्यु का समय

(४) अद्धाकाल—सूर्य की गति से पहचाना जाने वाला काल।

काल के अन्य विभागों की जानकारी के लिए देखिए-अनुयोगद्वार, सूत्र ४१३-४३३।

११. जीव का लक्षण है उपयोग (जीवो उवओगलक्खणो)

संक्षेप में जीव का लक्षण 'उपयोग है'। उपयोग का अर्थ है—चेतना की प्रवृत्ति। चेतना के दो भेद हैं—(१) ज्ञान और (२) दर्शन। इनके आधार पर उपयोग के दो रूप होते हैं—(१) साकार और (२) अनाकार।

विश्‍व में दो प्रकार के पदार्थ हैं—(१) जड़ और (२) चेतन। इन दोनों में भेद करने वाला गुण 'उपयोग' है। जिसमें उपयोग है, ज्ञान, दर्शन की प्रवृत्ति है, वह जीव है और जिसमें यह नहीं है, वह अजीव है।

इसके अगले श्‍लोक में जीव के लक्षण का विस्तार से निरूपण हुआ है। उसमें कहा गया है कि ज्ञान, दर्शन, चारित्र, तप, वीर्य और उपयोग—ये जीव के लक्षण हैं। इन सबको हम दो भागों में बांट सकते हैं। यह कहा जा सकता है कि जीव के लक्षण दो हैं—(१) वीर्य और (२) उपयोग। ज्ञान और दर्शन का उपयोग में समावेश हो जाता है तथा चारित्र और तप का वीर्य में। इस प्रकार अपेक्षा-भेद से दोनों श्‍लोकों में जीव के लक्षण का निरूपण किया गया है।

गति करना, घटना, बढ़ना, फैलना आदि चेतन के लक्षण नहीं बन सकते। वे सभी क्रियाएं चेतन और अचेतन दोनों में होती हैं। ज्ञान-दर्शन की प्रवृत्ति ही उनकी भेद-रेखा हो सकती है।

१२. शब्द (सद्द)

बारहवें श्‍लोक में पुद्गल के १० लक्षण गिनाए गए हैं। उनमें चार—वर्ण, रस, गंध और स्पर्श—पुद्गल के गुण हैं और शेष छह—शब्द, अन्धकार, उद्योत, प्रभा, छाया और आतप— पुद्गल के परिणाम या कार्य हैं। लक्षण दोनों ही बनते हैं। गुण सदा साथ ही रहते हैं, कार्य निमित्त मिलने पर अभिव्यक्त होते हैं। ये चारों गुण परमाणु और स्कन्ध—दोनों में विद्यमान रहते हैं परन्तु शब्द आदि कार्य स्कंधों के ही होते हैं।

जैन-दर्शन के अनुसार शब्द पौद्गलिक, मूर्त्त और अनित्य है। यह पुद्गल का लक्षण या परिणाम माना जाता है। शब्द का अर्थ है—पुद्गलों के संघात और विघात से होने वाले ध्वनि-परिणाम।

काय-योग के द्वारा शब्द-प्रायोग्य पुद्गलों का ग्रहण होता है और वे शब्द-रूप में परिणत होते हैं। परन्तु जब वे वाक्-प्रयत्‍न द्वारा मुख से बोले जाते हैं तभी उन्हें 'शब्द' संज्ञा से व्यवहृत किया जाता है। जब तक उनका वचन-योग के द्वारा विसर्जन नहीं हो जाता तब तक उन्हें शब्द नहीं कहा जाता।

शब्द के तीन प्रकार हैं—(१) जीव शब्द (२) अजीव शब्द और (३) मिश्र शब्द। जीव शब्द आत्म-प्रयत्‍न का परिणाम है और वह भाषा या संकेतमय होता है। अजीव-शब्द केवल अव्यक्त ध्वन्यात्मक होता है। मिश्र शब्द दोनों के संयोग से होता है।

तत्त्वार्थभाष्य के अनुसार शब्द के छह प्रकार हैं—(१) तत, (२) वितत, (३) घन, (४) शुषिर, (५) संघर्ष और (६) भाषा।

शब्द के दस प्रकार हैं—(१) निर्हारी, (२) पिंडिम, (३) रूक्ष, (४) भिन्न, (५) जर्जरित, (६) दीर्घ, (७) ह्रस्व, (८) पृथक्त्व, (९) काकिणी और (१०) किंकिणीस्वर।

शब्द जीव के द्वारा भी होता है और अजीव के द्वारा भी होता है। अजीव का शब्द अनक्षरात्मक ही होता है। जीव का शब्द साक्षर और निरक्षर—दोनों प्रकार का होता है। इनके वर्गीकरण के लिए निम्‍न यंत्र देखिए—

शब्द की उत्पत्ति पुद्गलों के संघात-विघात और जीव के प्रयत्‍न—इन दोनों हेतुओं से होती है। इसलिए प्रकारांतर से इसके दो वर्ग बनते हैं—(१) वैस्रसिक और (२) प्रायोगिक।

(१) वैस्रसिक-पुद्गलों के संघात-विघात से होने वाला।

(२) प्रायोगिक-जीव के प्रयत्‍न से होने वाला।

शब्द प्रसरणशील है। उससे दो व्यक्ति सम्बन्धित होते हैं - वक्ता और श्रोता। इसलिए इन दोनों की मीमांसा आवश्यक होती है कि वक्ता कैसे बोलता है और श्रोता उसे कैसे सुनता है? पुद्गलों की अनेक वर्गणाएं हैं। उसमें एक भाषा-वर्गणा है। कोई भी प्राणी जब बोलने का प्रयत्‍न करता है, तब वह सबसे पहले भाषा-वर्गणा के परमाणु-स्कंधों को ग्रहण करता है, उन्हें भाषा के रूप में परिणत करता है और उसके पश्‍चात् उनका विसर्जन करता है। इस विसर्जन को 'भाषा' कहा जाता है।

शब्द गतिशील है, इसलिए यह वक्ता के मुंह से निकलते ही लोक में फैलने लगता है। वक्ता का प्रयत्‍न तीव्र होता है तो शब्द के परमाणु-स्कंध भिन्न होकर फैलते हैं और यदि उसका प्रयत्‍न मन्द होता है तो शब्द के परमाणु-स्कंध अभिन्न होकर फैलते हैं। जो भिन्न होकर फैलते हैं, वे सूक्ष्म हो जाते हैं और दूसरे-दूसरे अनन्त परमाणु-स्कन्धों को प्रभावित कर लोकांत तक फैल जाते हैं। जो अभिन्न होकर फैलते हैं, वे असंख्य योजन तक पहुंच कर नष्ट हो जाते हैं—भाषा रूप से च्युत हो जाते हैं।

१३. अन्धकार (अंधयार)

जैन-दृष्टि के अनुसार अंधकार पुद्गल द्रव्य है, क्योंकि इसमें गुण है। जो-जो गुणवान् होता है वह-वह द्रव्य होता है, जैसे आलोक आदि।५ वह प्रकाश की तरह भावात्मक द्रव्य है, अभावात्मक नहीं। जिस प्रकार प्रकाश का भास्वर रूप और ऊष्ण स्पर्श प्रसिद्ध है, उसी प्रकार अंधकार का कृष्ण रूप और शीत स्पर्श प्रसिद्ध है।

गणधर गौतम ने भगवान से पूछा—''भगवन्! क्या दिन में उद्योत और रात्रि में अंधकार होता?''

भगवान ने कहा—''हां गौतम! दिन में उद्योत और रात्रि में अंधकार होता है।''

''ऐसा क्यों होता है भगवन्?'' गौतम ने पूछा।

भगवान् ने कहा—''गौतम! दिन में शुभ-पुद्गल शुभ-पुद्गल-परिणाम में परिणत होते हैं और रात्रि में अशुभ-पुद्गल अशुभ-पुद्गल-परिणाम में परिणत होते हैं। इसलिए दिन में उद्योत और रात्रि में अंधकार होता है।''

अंधकार पुद्गल का लक्षण है—कार्य है, इसलिए वह पौद्गलिक है। वह पुद्गल का एक पर्याय है। वैद्यक शास्त्र में भी अंधकार को स्वतंत्र मान कर उसके गुण का उल्लेख किया है। अंधकार समस्त रोगों को करने वाला होता है। अंधकार भयावह, तिक्त और दृष्टि के तेज का आवारक होता है। वैयाकरणों ने अंधकार को अणु रूप माना है। कई अन्य दार्शनिक भी अंधकार को द्रव्य मानते हैं।

मध्वाचार्य ने अंधकार को स्वतंत्र द्रव्य माना है। वे कहते हैं—यह तेज का अभाव नहीं है। यह प्रकाश का नाशक है। नील रूप तथा चलन रूप क्रिया के आश्रय होने के कारण 'अंधकार' मूर्त्त द्रव्य है।

अंधकार जड़ प्रकृति रूप उपादान से उत्पन्न होता है और वह इतना घनीभूत हो जाता है कि दूसरे कठोर द्रव्य के समान वह भी हथियार से काटा जाता है।९ महाभारत के युद्ध में जब सूर्य चमक रहा था, उसी समय श्रीकृष्ण ने अंधकार को उत्पन्न किया। भाव रूप द्रव्य होने के कारण ही ब्रह्मा ने इसका पान किया था। स्वतंत्र रूप से इसकी उपलब्धि लोगों को होती है और वह अन्य वस्तुओं को ढांक देता है, इसलिए इसका भाव रूप होना निश्‍चित है।

कुमारिल भट्ठ ने अंधकार को 'अभावात्मक' माना है।

संक्षेप में नैयायिक, वैशेषिक१२ और प्रभाकर दर्शन-प्रणाली में अंधकार को अभावात्मक माना गया है। जैन, भर्तृहरि, भट्ट और सांख्य-दर्शन उसे भावात्मक मानते हैं। आयुर्वेद-शास्त्र सांख्य से प्रभावित है, इसलिए उसके प्रणेताओं ने अंधकार को भावात्मक माना है। विज्ञान में मानी जाने वाली इण्ट्रा अल्ट्रा रेज (Instra ultra rays) और अंधकार में कुछ साम्य संभव है।

१४. छाया (छाया)

प्रत्येक स्थूल पौद्गलिक पदार्थ चय-उपचयधर्मक और रश्मिवान् होता है। इसका तात्पर्य है कि पौद्गलिक वस्तु का प्रति समय चय-उपचय होता रहता है और उसमें से तदाकार रश्मियां निकलती रहती हैं। यथायोग्य निमित्त मिलने पर ये रश्मियां प्रतिबिम्बित होती हैं। इस प्रतिबिम्ब को 'छाया' कहते हैं।

आदि स्वच्छ पदार्थों में जो ज्यों का त्यों आकार देखा जाता है, उसे तद्वर्णादिविकार छाया कहते हैं और अन्य द्रव्यों पर अस्पष्ट प्रतिबिम्ब मात्र पड़ना प्रतिबिम्ब रूप छाया है।

मीमांसाकार यह मानते हैं—दर्पण में छाया नहीं पड़ती, किंतु नेत्र की किरणें दर्पण से टकरा कर वापिस आती हैं और अपने मुख को देखती हैं।

राजवल्लभकोष (५।२२) में 'छाया दाहश्रमस्वेदहरा मधुरशीतला' कहा गया है। यही बात राजनिघण्टुकोष में भी कही गई है।

न्यायवार्तिक तात्पर्यटीका (पृ. ३४५) में छाया को 'अभावरूप' माना गया है। विशेष विवरण के लिए देखिए—न्याय-कुमुदचन्द्र, पृ. ६६७-६७२।

कुमारिल भट्ट प्रतिबिम्ब को अभावरूप मानते हैं।

१५. (श्‍लोक १३)

प्रस्तुत श्‍लोक में पर्याय के छह लक्षण बतलाए गए हैं। उनकी व्याख्या इस प्रकार है—

१. एकत्व—प्रत्येक स्कन्ध के परमाणु भिन्न-भिन्न होते हैं, फिर भी उनके संघात में एकत्व की अनुभूति हाती है, यह एकत्व लक्षण है। जैसे—प्रत्येक घट के परमाणु पृथक्-पृथक् होते हैं, परन्तु 'यह घट है' यह एकत्व का वाचक बनता है।

२. पृथकत्व—'यह इससे पृथक् है' इस अनुभूति का हेतु पर्याय का पृथक्त्व लक्षण है।

३. संख्या—एक, दो, तीन आदि की प्रतीति का हेतुभूत पर्याय।

४. संस्थान—आकार-विशेष में संस्थित होना। 'यह वर्तुल है'—इस बुद्धि का हेतुभूत पर्याय।

५. संयोग—दो वस्तुओं का संयोग—इस प्रकार के व्यपदेश का हेतुभूत पर्याय।

६. विभाग—'यह इससे विभक्त है'—इस बुद्धि का हेतुभूत पर्याय।

पृथक्त्व और विभाग—एक नहीं है। विभाग संयोग की उत्तरकालीन पर्याय है और पृथक्त्व दो वस्तुओं में भेद करने वाला पर्याय है, जैसे—घट और पट। दो अंगुलियों को मिलाया। यह संयोग है। उन्हें अलग किया। यह विभाग है। घट और पट में मूलत: भिन्नता है, इसलिए उनमें पृथक्त्व पर्याय है, विभाग पर्याय नहीं।

वैशेषिक दर्शन में गुण के चौबीस प्रकार माने हैं। उनमें संख्या, परिमाण, पृथक्त्व, संयोग और विभाग—''ये पांच गुण हैं। इनकी परिभाषा इस प्रकार है२—

१. संख्या—'एकत्वादिव्यवहारहेतु: संख्या'—जिस गुण के कारण एक-दो आदि शब्दों का व्यवहार किया जाता है, उसे संख्या कहते हैं।

२. परिमाण—'मानव्यवहारकारणं परिमाणम्' जिस गुण के आधार पर मान किया जाता है, उसे परिमाण कहते हैं।

३. पृथक्त्व—'पृथग्व्यवहारकारणं पृथक्त्वम्'—'यह उससे अलग है'—ऐसा ज्ञान जिस आधार पर होता है, उसे पृथक्त्व कहते हैं।

४. संयोग—'संयुक्तव्यवहारहेतु: संयोग:'—'यह पदार्थ उसके साथ संयुक्त है'—ऐसा प्रयोग जिस आधार पर होता है, वह संयोग है।

५. विभाग—'संयोगनाशको गुणो विभाग:'—जिसके द्वारा संयोग का नाश होता है, उसे विभाग कहते हैं।

१६. (श्‍लोक १४)

स्थानांग में तथ्य के स्थान पर 'सद्भावपदार्थ' शब्द का प्रयोग हुआ है। तथ्य, पदार्थ और तत्त्व—ये सब पर्यायवाची हैं। वृत्तिकार ने तथ्य का अर्थ अवितथ किया हैं। अवितथ वे होते हैं जिनका अस्तित्व वास्तविक होता है। ये नौ तथ्य काल्पनिक नहीं हैं, किंतु वास्तविक हैं।

इस श्‍लोक में नौ तत्त्वों का उल्लेख हुआ है। वस्तु वृत्त्या तत्त्व दो ही हैं—(१) जीव और (२) अजीव।

नौ तत्त्व इन दो विभागों में समाविष्ट हो जाते हैं। यथा—जीव, आस्रव, संवर, निर्जरा और मोक्ष—जीव में। अजीव, पुण्य, पाप और बन्ध—अजीव में।

आस्रव आदि आत्मा के ही विशेष परिणाम हैं और पुण्य, पाप आदि पौद्गलिक कर्म अजीव के ही विशेष परिणाम हैं। जिस प्रकार लोक की व्यवस्था के लिए छह द्रव्य आवश्यक हैं, उसी प्रकार आत्मा के आरोह और अवरोह को जानने के लिए नौ तत्त्व उपयोगी हैं। इनके बिना आत्मा के विकास या ह्रास की प्रक्रिया बुद्धिगम्य नहीं हो सकती।

दिगम्बर-ग्रंथों में नौ तत्त्वों के स्थान पर सात तत्त्व माने गए हैं। पुण्य-पाप को बंध के अंतर्गत माना गया है। दोनों मान्यताएं आपेक्षिक हैं, उनमें स्वरूप-भेद कुछ भी नहीं है।

आस्रव—शुभ-अशुभ कर्म को ग्रहण करने वाला जीव का अध्यवसाय, परिणाम एवं प्रवृत्ति को 'आस्रव' कहा जाता है।

सांख्य-योग में वर्णित 'क्लेश' आस्रव के अति निकट है। महर्षि पतंजलि ने कहा है—'कर्म वासना का मूल क्लेश है।'१ बौद्ध-दर्शन में अविद्या को अनादि दोष माना है। इस अविद्या के जो निमित्त आत्म-परिणामों के प्रेरक बनते हैं, उन्हें 'आसव' कहा जाता है। आसव का अर्थ है—मद उत्पन्न करने वाला रस। आसव चार हैं—(१) काम-आसव, (२) भव-आसव, (३) दृष्टि-आसव और (४) अविद्या-आसव।

(१) काम-आसव—शब्दादि विषयों को प्राप्त करने की इच्छा-वासना या राग।

(२) भव-आसव—जीवन की अभिलाषा।

(३) दृष्टि-आसव—बौद्ध-दृष्टि से विपरीत दृष्टि का सेवन।

(४) अविद्या-आसव—अनित्य पदार्थों में नित्यता की बुद्धि।

निर्जरा—तपस्या के द्वारा कर्मों का विच्छेद होने पर जो आत्मा की निर्मलता होती है, उसे 'निर्जरा' कहते हैं। निर्जरा के साधन को भी निर्जरा कहा जाता है। उसके आधार पर इसके बारह भेद होते हैं—

मोक्ष—जैन-दृष्टि के अनुसार 'समस्त कर्मों का क्षय कर अपने आत्म-स्वभाव में रमण करना' मोक्ष है। आत्मा का स्वभाव है—ज्ञान, दर्शन और पवित्रता। इन तीनों की पूर्णता ही मोक्ष है। जैन-दृष्टि के अनुसार मुक्त-जीवों के वास-स्थान को भी मोक्ष कहा गया है। सिद्धालय, मुक्ति, ईषत् प्राग्भारा पृथ्वी आदि उसके अपर नाम हैं। यह स्थान मनुष्य-क्षेत्र के बराबर लम्बा-चौड़ा है। इसके मध्य भाग की मोटाई आठ योजन की है और अन्तिम भाग मक्खी के पंख से भी अधिक पतला है और वह लोक के अग्रभाग में स्थित हैं। इसका आकार सीधे छत्ते जैसा है और यह श्‍वेत स्वर्णमयी है।

बौद्ध-दर्शन में तृष्णा के आत्यन्तिक क्षय को 'मोक्ष' कहा है। धम्मदिन्ना नामक भिक्षुणी ने निर्वाण के सम्बन्ध में प्रश्‍न करने पर विशाख को इस प्रकार उत्तर दिया—

विशाख—आर्ये! विद्या का क्या प्रतिभाग है?

धम्मदिन्ना—विमुक्ति।

विशाख—विमुक्ति का क्या प्रतिभाग है?

धम्मदिन्ना—निर्वाण।

विशाख—और निर्वाण का क्या प्रतिभाग है?

धम्मदिन्ना—विशाख! ब्रह्मचर्य निर्वाण पर्यन्त है, निर्वाण-परायण है, निर्वाण-पर्यवसान है।

भाट्टमत के अनुसार भोगायतन—शरीर, भोग-साधन —इन्द्रियां और भोग्य-विषय—इन तीनों के आत्यन्तिक नाश को मोक्ष कहा गया है। अथवा 'प्रपंच सम्बन्ध के विलय' को मोक्ष कहा गया है। मोक्षावस्था में जीव में न सुख है, न आनन्द है और न ज्ञान है—'तस्मात् नि:सम्बन्धो निरानन्दश्‍च मोक्ष:'। मुक्तावस्था में आत्मा में 'ज्ञानशक्तिमात्र' ज्ञान रहता है। साथ ही साथ उसकी सत्ता तथा द्रष्टव्य आदि।

धर्म तो उसमें रहते ही हैं। यही आत्मा का निजी-स्वरूप है, जिससे वह मोक्ष में स्थित रहता है—'यदस्य स्वं नैजं रूपं ज्ञानशक्तिसत्ताद्रव्यत्वादि तस्मिन्नवतिष्ठेत।'

प्रभाकर धर्म तथा अधर्म का सम्पूर्ण नाश होने से देह के आत्यन्तिक उच्छेद को 'मोक्ष' कहते हैं।५ इनका मत है कि आत्म-ज्ञान के द्वारा धर्माधर्म का नाश होता है और वही मुक्ति है। मुक्तावस्था में जीव की सत्ता मात्र रहती है।

रामानुजाचार्य ने तीन प्रकार की जीवात्माएं मानी हैं— (१) बद्ध, (२) मुक्त और (३) नित्य। उनके अभिमतानुसार सत्प्रवृत्तियों के द्वारा जीव ईश्‍वर के पास जाता है, तब उसमें सब तरह के, सभी अवस्था के उपयुक्त भगवान् के प्रति सेवक-भाव तथा स्‍नेह आविर्भूत हो जाता है और इन सबका अनुभव जीव को होने लगता है। ऐसे 'जीव' मुक्त कहलाते हैं। ये 'मुक्त जीव' ब्रह्म के समान भोग करते हैं। ये भी अनेक हैं तथा सब लोकों में अपनी इच्छा से विचरण करते हैं। मुक्तावस्था में मुक्त-पुरुषों का ज्ञान कभी-कभी व्यापक रहता है।

निम्बार्काचार्य ने दो प्रकार के मुक्त-जीव माने हैं— नित्य-मुक्त और दूसरे वे जो सत्कर्म करते हुए पूर्व जन्म के कर्मों का भोग सम्पन्न कर संसार के बंधन से मुक्त हो जाते हैं। मुक्त होने पर ये सब अर्चिरादि मार्ग से 'पर:ज्योति:' स्वरूप को पाकर अपने यथार्थ स्वरूप में प्रकट हो जाते हैं और पुन: संसार में नहीं जाते। इनमें से कई केवल आत्म-साक्षात्कार करके ही तृप्त हो जाते हैं और कई ईश्‍वर-तुल्य बन जाते हैं। इनके अनुसार मुक्त-जीव भी भोग भोगते हैं।

मध्वाचार्य के अनुसार मुक्त-जीव अपनी इच्छा से शुभ सत्त्वमय देह धारण कर यथेष्ट भोग का अनुभव करते हैं और पुन: स्वेच्छा से उसे त्याग देते हैं। किसी-किसी के मत में मुक्त-जीव पांच भौतिक शरीर के द्वारा भी भोग कर सकता है। यह शरीर उसका 'स्वेच्छा-स्वीकृत शरीर' कहलाता है। इसके अनुसार संसार तथा मोक्ष—दोनों ही अवस्थाओं में जीवों में भी परस्पर भेद है। परमात्मा इन सबसे भिन्न है। ज्ञान की तरतमता के कारण परम आनन्द की अनुभूति में भी तारतम्य रहता है।

सांख्य के अनुसार प्रकृति का वियोग हो जाना ही मोक्ष है अथवा विवेक-ख्याति या विवेक-बुद्धि को प्राप्त करना मुक्ति है। मोक्षावस्था में भी प्रकृति का सात्त्विक अंश रहता है। मुक्ति में मुक्त-जीवों की संख्या अनन्त है।

वैष्णव तंत्र

मोक्ष प्राप्ति के लिए जीव को भगवन्-भक्ति द्वारा शरणागति प्राप्त करनी चाहिए। मुक्त-दशा में जीव ब्रह्म से एकाकार हो जाता है और उसका पुनरावर्तन नहीं होता।६ 'ब्रह्मभावापत्ति' मुक्ति का अपर नाम है।

वैष्णव तंत्र

मोक्ष प्राप्ति के लिए जीव को भगवन्-भक्ति द्वारा शरणागति प्राप्त करनी चाहिए। मुक्त-दशा में जीव ब्रह्म से एकाकार हो जाता है और उसका पुनरावर्तन नहीं होता। 'ब्रह्मभावापत्ति' मुक्ति का अपर नाम है।

शैव तंत्र

'क्रिया' मुक्ति का साधन है, 'ज्ञान' नहीं। अनुग्रह शक्ति द्वारा जीव संसार के बंधन से छूट सकता है।

शाक्त तंत्र

'भोगात्मक-साधन' से मुक्ति प्राप्त होती है। भोग और मोक्ष में कोई अन्तर नहीं है। इस मत में माता, भगिनी और पुत्री का भोग करने वालों को भी मुक्ति प्राप्त हो सकती है, ऐसा विधान है।

वैशेषिक

द्रव्य, गुण आदि षट्पदार्थों में ज्ञान से मोक्ष की प्राप्ति होती है। 'धर्म' मोक्ष का साधन है, इससे तत्त्व-ज्ञान और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

न्याय-दर्शन

प्रमाण-प्रमेय आदि सोलह पदार्थों के ज्ञान से मिथ्या-ज्ञान नष्ट हो जाता है। तदनन्तर राग-द्वेष और मोह का नाश होता है। इससे धर्म-अधर्म रूप प्रवृत्ति का नाश होता है। इससे जन्म का क्षय होता है और इससे दु:ख क्षय होता है। दु:ख का अत्यन्त क्षय ही मुक्ति है— अपवर्ग है। मुक्तावस्था में बुद्धि, सुख, दु:ख, इच्छा, द्वेष, प्रयत्‍न, धर्म, अधर्म तथा संस्कार का मूलोच्छेद हो जाता है।

इस प्रकार भारतीय तत्त्व-चिन्तन में मोक्ष विषयक अनेक मान्यताएं प्राप्त होती हैं।

१७. (श्‍लोक १६)

इस श्‍लोक में दस रुचियों का उल्लेख हुआ है। रुचि का अर्थ है—सत्य की श्रद्धा, अभिलाषा। इन दस रुचियों में विभिन्न अपेक्षाओं से होने वाले सम्यक्त्व के विभिन्न रूपों का वर्गीकरण किया गया है। स्थानांग में इन्हें 'सराग सम्यग्-दर्शन' कहा है। तत्त्वार्थ राजवार्तिक में दस प्रकार के दर्शन-आर्य बतलाए गए है। ये दस दर्शन-आर्य दस रुचियों से कुछ समान और कुछ भिन्न हैं—

उत्तराध्यान तत्त्वार्थ राजवार्तिक

१. निसर्गरुचि आज्ञारुचि दर्शन-आर्य—

वीतराग की आज्ञा में विश्‍वास होने के कारण जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

२. उपदेशरुचि मार्गरुचि दर्शन-आर्य—

मोक्ष-मार्ग सुनने से जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

३. आज्ञारुचि उपदेशरुचि दर्शन-आर्य—

तीर्थंकर आदि के पवित्र आचरण के उपदेश को सुनकर जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

४. सूत्ररुचि सूत्ररुचि दर्शन-आर्य—

आचारांग आदि सूत्रों को सुनने से जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

५. बीजरुचि बीजरुचि दर्शन-आर्य—

बीज पदों के निमित्त से जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

६. अभिगमरुचि संक्षेपरुचि दर्शन-आर्य—

जीव आदि पदार्थों के संक्षिप्त निरूपण से बोध प्राप्त कर जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

७. विस्ताररुचि विस्ताररुचि दर्शन-आर्य—

जीव आदि पदार्थों के विस्तृत निरूपण से बोध प्राप्त कर जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

८. क्रियारुचि अर्थरुचि दर्शन-आर्य—

वचन विस्तार के बिना केवल अर्थ-ग्रहण से जिन्हें सम्यग्-दर्शन प्राप्त हुआ हो।

९. संक्षेपरुचि अवगाढ़रुचि दर्शन-आर्य—

आचारांग आदि बारह अंगों (द्वादशांगी) में जिनका श्रद्धान अति दृढ़ हो।

१०. धर्मरुचि परम-अवगाढ़ दर्शन-आर्य—

परमअवधि, केवलज्ञान, केवलदर्शन से प्रकाशित जीव आदि पदार्थों के ज्ञान से जिनकी आत्मा निर्मल हो।

१८. पूर्वजन्म की स्मृति आदि (सहसम्मुइ.....)

'सहसम्मुइ' का अर्थ है—स्वस्मृति, जातिस्मृति, पूर्वजन्म की स्मृति। 'सह' का अर्थ है—स्व और 'सम्मुइ' का अर्थ है—स्मृति। वृत्तिकार ने इसका अर्थ—सहसम्मति—आत्मा के साथ होने वाली सम्मति—किया है। तात्पर्य में दोनों अर्थ एक हो जाते हैं।

१९. भूतार्थ (यथार्थ ज्ञान) (भूयत्थ.....)

वृत्तिकार ने 'भूत' का अर्थ अवितथ किया है। उनके अनुसाथ भूतार्थ का अर्थ है—यथार्थ विषय वाला। यह अर्थ स्पष्ट नहीं है। समयसार ग्रंथ में मूलस्पर्शी अर्थ प्राप्त है। वहां व्यवहार नय के लिए अभूतार्थ और निश्‍चय नय के लिए भूतार्थ शब्द प्रयुक्त हुआ है।

प्रस्तुत श्‍लोक १७ से समयसार की निम्‍न गाथा की तुलना की जा सकती है—

भूदत्थेणाभिगदा जीवाजीवा य पुण्णपावं च।

आसवसंवरणिज्जरबंधो मोक्खो य सम्मत्तं।।१।१३।।

२०. जिनेन्द्र द्वारा दृष्ट (जिणदिट्ठे)

इसके संस्कृतरूप दो बन सकते हैं—'जिनदृष्टान्' और 'जिनादिष्टान्'। पहले का अर्थ होगा—अर्हत् के द्वारा देखा हुआ, साक्षात् किया हुआ और दूसरे का अर्थ होगा—अर्हत् द्वारा उपदिष्ट।

२१. (रागो.....)

राग, द्वेष, मोह और अज्ञान—यह चतुष्क आज्ञारुचि का बाधक है। यहां मोह का अर्थ मूर्च्छा या मूढ़ता है। राग, द्वेष और मोह—इन तीनों का सम्बन्ध मोहनीय कर्म से है। इस चतुष्क का उल्लेख ३२।२ में भी हुआ है।

२२. वीतराग की आज्ञा (आणाए)

इसके संस्कृत रूप तीन हो सकते हैं—आज्ञाय, आज्ञायाम् और आज्ञया। वृत्तिकार ने 'आज्ञया' रूप मानकर इसका अर्थ आचार्य आदि की आज्ञा से—किया है।

स्थानांग में सरागसम्यग्दर्शन के दस प्रकारों से इन्हीं दस रुचियों का उल्लेख है। वृत्तिकार अभयदेवसूरि ने आज्ञारुचि को 'आज्ञाया रुचि:' ऐसा मानकर आज्ञा का अर्थ सर्वज्ञ का वचन किया है तथा तात्पर्यार्थ में आचार्य आदि की आज्ञा को आज्ञा का वाचक माना है।

हमने इसका संस्कृतरूप 'आज्ञायां' मानकर इसका अर्थ वीतराग की आज्ञा में किया है। यहां आज्ञा का अर्थ आदेश-निर्देश नहीं है। उसका अर्थ आगम अतीन्द्रिय ज्ञान के द्वारा दृष्ट अतीन्द्रिय विषयों का प्रतिपादन है। आज्ञा विचय में आज्ञा का जो अर्थ है, वही यहां प्रासंगिक है।

२३. (श्‍लोक २७)

प्रस्तुत श्‍लोक में तीन पदों के साथ धर्म शब्द का प्रयोग किया गया है। अस्तिकाय पांच हैं—धर्मास्तिकाय, अधर्मास्तिकाय, आकाशास्तिकाय, पुद्गलास्तिकाय और जीवास्तिकाय। अस्तिकाय के साथ धर्म शब्द का प्रयोग स्वभाव अर्थ में किया गया है। श्रुत और चारित्र—ये दोनों धर्म साधना के लिए निरूपित हैं।

२४. (श्‍लोक २९)

सम्यक्त्वविहीन चारित्र नहीं होता, यह नियम है। सम्यक्त्व के साथ चारित्र हो ही, यह नियम नहीं है। इन दो नियमों के आधार पर दो विकल्प बनते हैं। पहले दो चरणों में नियम का निर्देश है। उत्तरवर्ती दो चरणों में दो विकल्पों का निर्देश है। पहला विकल्प—सम्यक्त्व और चारित्र का सहभाव होता है। दूसरा विकल्प—जहां दोनों का सहभाव न हो वहां पहले सम्यक्त्व होता है। वृत्तिकार ने 'उत्पद्येते' इस क्रिया को शेष मानकर व्याख्या की है। उसके आधार पर उत्तरवर्ती दो चरणों का अनुवाद इस प्रकार होगा—सम्यक्त्व और चारित्र युगपत् (एक साथ) उत्पन्न होते हैं और जहां वे युगपत् उत्पन्न नहीं होते, वहां पहले सम्यक्त्व होता है।

सम्यक्त्व और चारित्र युगपत्—एक साथ कैसे होते हैं—इस प्रश्‍न पर जयाचार्य ने विमर्श किया हैं उसका सार यह है—कोई मुनि छठे गुणस्थान में विद्यमान है। वह किसी तत्त्व के विषय में संशयशील हो गया। उस संशयशीलता के कारण उसका सम्यक्त्व और चारित्र— दोनों नष्ट हो गए। वह प्रथम गुणस्थान में चला गया। अंतर्मुहूर्त्त में उसके संशय का निवारण हो गया। वह फिर सम्यक्त्व और चारित्र-युक्त हो गया। व्याख्या का यह एक नय है। इस नय की अपेक्षा सम्यक्त्व और चारित्र के युगपत् उत्पाद अथवा सहभाव को समझा जा सकता है।

२५. (श्‍लोक ३१)

सम्यग्-दर्शन का अर्थ है—सत्य की आस्था, सत्य की रुचि। वह दो प्रकार का होता है—(१) नैश्‍चयिक और (२) व्यावहारिक। नैश्‍चयिक-सम्यग्-दर्शन का सम्बन्ध केवल आत्मा की आंतरिक शुद्धि या सत्य की आस्था से होता है। व्यावहारिक-सम्यग्-दर्शन का संबन्ध संघ, गण और संप्रदाय से भी होता है।

सम्यग्-दर्शन के आठ अंगों का निरूपण इन दोनों दृष्टियों को सामने रख कर किया गया है। सम्यग्-दर्शन के आठ अंग ये हैं—(१) नि:शंकित, (२) निष्कांक्षित, (३) निर्विचिकित्सा, (४) अमूढ़दृष्टि, (५) उपबृंहण, (६) स्थिरीकरण, (७) वात्सल्य और (८) प्रभावना।

सम्यग्-दर्शन के पांच अतिचार हैं—(१) शंका, (२) कांक्षा, (३) विचिकित्सा, (४) पर-पाषण्ड प्रशंसा और (५) पर-पाषण्ड संस्तव।

आचार का उल्लंघन अतिचार होता है और 'अतिचार' का वर्जन आचार। आचार के आठ अंग हैं और अतिचार के पांच। इस संख्या-भेद पर सहज ही प्रश्‍न होता है।

श्रुतसागरसूरि ने इसका समाधान किया है। उनके अनुसार व्रत और शीलों के पांच-पांच अतिचार बतलाए है। अत: अतिचारों के वर्णन में सम्यग्-दर्शन के पांच ही अतिचार बतलाए गए हैं। शेष तीन अतिचारों का मिथ्यादृष्टि- प्रशंसा और मिथ्यादृष्टि-संस्तव में अन्तर्भाव हो जाता है। जो मिथ्या-दृष्टियों की प्रशंसा और स्तुति करता है, वह मूढ़-दृष्टि तो है ही। वह उपबृंहण नहीं करता, स्थिरीकरण नहीं करता। उससे वात्सल्य और प्रभावना भी संभव नहीं है। इस भावना के अनुसार सम्यग्-दर्शन के आठ आचारात्मक और आठ अतिचारात्मक अंग होते हैं—

(१) नि:शंकित और शंका

शंका का अर्थ सन्देह भी होता है और भय भी। इन दोनों अर्थों के आधार पर इसकी व्याख्या हुई है। शान्त्याचार्य, हरिभद्रसूरि, अभयदेवसूरि, हेमचन्द्राचार्य, नेमिचंद्राचार्य, स्वामी समंतभद्र और शिवकोट्याचार्य ने शंका का अर्थ 'सन्देह' किया है। आचार्य कुन्दकुन्द ने शंका का अर्थ 'भय' किया है। श्रुतसागरसूरि ने दोनों अर्थ किये हैं। संक्षेप में—

(१) जिन भावित-तत्त्व के प्रति जो संदेह होता है, वह शंका है।

(२) जिसका मन सात प्रकार के भयों से व्यथित होता है, वह शंका है। यह सम्यग्-दर्शन का अतिचार है। निश्शंकित सम्यग्-दर्शन का आचार है। सम्यग्-दृष्टि को असंदिग्ध और अभय होना चाहिए।

(२) निष्कांक्षित और कांक्षा

कांक्षा के दो अर्थ मिलते हैं—(१) एकांत-दृष्टि वाले दर्शनों को स्वीकार करने की इच्छा और (२) धर्माचरण के द्वारा सुख-समृद्धि पाने की इच्छा।

विजयोदया के अनुसार भोग और सुख संपदा की तो इच्छा है, वह सम्यग्-दर्शन का अतिचार नहीं है किंतु दर्शन, व्रत आदि के द्वारा भोग-प्राप्ति की इच्छा करना अतिचार है। निष्कांक्षित सम्यग्-दर्शन का आचार है।

(३) निर्विचिकित्सा और विचिकित्सा

विचिकित्सा के भी दो अर्थ मिलते हैं—(१) धर्म के फल में संदेह और (२) जुगुप्सा-घृणा।

आचार्य अमृतचन्द्र के अनुसार भूख-प्यास, शीत-उष्ण आदि नाना प्रकार के भावों तथा मल आदि पदार्थों में घृणा नहीं करनी चाहिए।

स्वामी समंतभद्र के शब्दों में स्वभावत: अपवित्र किंतु रत्‍नत्रयी से पवित्र शरीर में ग्लानि न करना, गुणों में प्रीति करने का नाम निर्विचिकित्सा है।

अमितगति श्रावकाचार में तीसरा अतिचार निन्दा है। हेमचन्द्राचार्य ने भी विचिकित्सा का वैकल्पिक अर्थ 'निन्दा' किया है।

(४) अमूढ़-दृष्टि और पर-पाषण्ड प्रशंसा, पर पाषण्ड संस्तव—

मूढ़ता का अर्थ है—मोहमयी दृष्टि। स्वामी समन्तभद्र ने उसे तीन भागों में विभक्त किया है—

(१) लोक-मूढ़ता—नदी-स्‍नान आदि में धार्मिक विश्‍वास।

(२) देव-मूढ़ता—राग-द्वेष-वशीभूत देवों की उपासना।

(३) पाषण्ड-मूढ़ता—हिंसा में प्रवृत्त साधुओं का पुरस्कार।

आचार्य हरिभद्र के अनुसार एकांतवादी तीर्थिकों की विभूति देखकर जो मोह उत्पन्न होता है, उसे 'मूढ़ता' कहा जाता है। मिथ्या-दृष्टि की प्रशंसा और उसका संस्तव—ये दोनों मूढ़ता के ही परिणाम है।

स्वामी समंतभद्र ने मूढ़ता का अर्थ कुपथगामियों का सम्पर्क और उनकी स्तुति किया है।

मूलाराधना में 'पर-पाषण्ड-संस्तव' के स्थान पर 'अनायतन-सेवा' का प्रयोग किया गया है। अनायतन के छह प्रकार हैं—(१) मिथ्यात्व, (२) मिथ्या-दृष्टि, (३) मिथ्या-ज्ञान, (४) मिथ्या-ज्ञानी, (५) मिथ्या-चारित्र और (६) मिथ्या-चारित्री। इनकी सेवा को 'अनायतन-सेवा' कहा जाता है। प्रवचन सारोद्धार में इसे 'परतीर्थिकोपसेवन' कहा है।

आचार्य हेमचन्द्र ने संस्तव का अर्थ परिचय किया है। परिचय और सेवा ये लगभग समान हैं।

श्रुतसागरसूरि में संस्तव का अर्थ स्तुति किया है। उनके अनुसार मानसिक श्‍लाघा-प्रशंसा और वाचिक श्‍लाघा—संस्तव है।

(५) उपबृंहण

सम्यग्-दर्शन की पुष्टि करने को 'उपबृंहण' कहा जाता है। वसुनन्दि ने 'उपबृंहण' के स्थान पर 'उपगूहन' माना है। उसका अर्थ है—प्रमादवश हुए दोषों का प्रचार न करना व अपने गुणों का गोपन करना।

आचार्य अमृतचन्द्र ने उपगूहन को उपबृंहण का ही एक प्रकार माना है। उनके अनुसार अपने आत्म-गुणों (मृदुता आदि) की वृद्धि करना तथा पराए दोषों का निगूहन करना—ये दोनों उपबृंहण के अंग हैं।

(६) स्थिरीकरण

धर्म-मार्ग या न्याय-मार्ग से विचलित हो रहे व्यक्तियों को पुन: उसी मार्ग में स्थिर करना यह 'स्थिरीकरण' है।

(७) वात्सल्य

मोक्ष के कारणभूत धर्म, अहिंसा और साधर्मिकों में वत्सल-भाव रखना, उनकी यथायोग्य प्रतिपत्ति रखना, साधर्मिक साधुओं को आहार, वस्त्र आदि देना, गुरु, ग्लान, तपस्वी, शैक्ष, पाहुने साधुओं की विशेष सेवा करना—यह वात्सल्य है।

(८) प्रभावना

तीर्थ की उन्नति हो वैसी चेष्टा करना, रत्‍नत्रयी सम्यग् दर्शन, ज्ञान, चारित्र से अपनी आत्मा को प्रभावित करना, जिन-शासन की महिमा बढ़ाना—यह 'प्रभावना' है। आठ प्रकार के व्यक्ति प्रभावक माने जाते हैं—

(१) प्रवचनी—द्वादशांगीधर, युगप्रधान आगम-पुरूष।

(२) धर्मकथी—धर्म-कथा-कुशल।

(३) वादी—वाद-विद्या में निपुण।

(४) नैमित्तिक—निमित्तविद्।

(५) तपस्वी—तपस्या करने वाला।

(६) विद्याधर—प्रज्ञप्ति आदि विद्याओं का पारगामी।

(७) सिद्ध—सिद्धिप्राप्त।

(८) कवि—कवित्व-शक्ति-सम्पन्न।

आचार्य हरिभद्र ने सिद्ध के स्थान में अतिशय-ऋद्धि- सम्पन्न और कवि के स्थान में राजाओं द्वारा सम्मत व्यक्ति को प्रभावक माना है।

सम्यक्त्व के पांच भूषण माने जाते हैं—(१) स्थैर्य, (२) प्रभावना, (३) भक्ति, (४) जिन-शासन में कौशल और (५) तीर्थ- सेवा।

स्थैर्य, प्रभावना और भक्ति क्रमश: स्थिरीकरण, प्रभावना और वात्सल्य हैं। जिन-शासन में कौशल और तीर्थ-सेवा भी वात्सल्य के विविध रूपों का स्पर्श करते हैं।

सम्यग्-दर्शन के आठों अंग सत्य की आस्था के परम अंग हैं। कोई भी व्यक्ति शंका (भय या संदेह), कांक्षा (आसक्ति या वैचारिक अस्थिरता), विचिकित्सा (घृणा या निन्दा), मूढ़-दृष्टि (अपनी नीति के विरोधी विचारों के प्रति सहमति) से मुक्त हुए बिना सत्य की आराधना कर नहीं सकता और उसके प्रति आस्थावान् नहीं रह सकता। स्व-सम्मत धर्म या साधर्मिकों का उपबृंहण, स्थिरीकरण, वात्सल्य और प्रभावना किए बिना कोई व्यक्ति सत्य की आराधना करने में दूसरों का सहायक नहीं बन सकता। इस दृष्टि से ये आठों अंग बहुत ही महत्त्वपूर्ण हैं।

२६. (श्‍लोक ३२-३३)

जिससे कर्म का चय रिक्त होता है, वह चारित्र है। यह 'चारित्र' शब्द का निरुक्त है। ३५वें श्‍लोक में बताया गया है—चारित्र से निग्रह होता है। रिक्त करना और निग्रह करना वस्तुत: एक नहीं है। प्रश्‍न होता है यह भेद क्यों?

शान्त्याचार्य ने इसके समाधान में लिखा है—तपस्या भी चारित्र के अन्तर्गत है, इसलिए चारित्र के दो कार्य होते हैं—(१) कर्म का निग्रह और (२) कर्म-चय का रिक्तीकरण।

(१) सामायिक और (२) छेदोपस्थापनीय

चारित्र के पांच प्रकार बतलाए गए हैं—सामायिक, छेदोपस्थापनीय, परिहारविशुद्धि, सूक्ष्मसंपराय और यथाख्यात। वस्तुत: यह एक ही है। ये भेद विशेष दृष्टियों से किए गए हैं। सर्व सावद्य प्रवृत्ति का त्याग किया जाता है, वह सामायिक चारित्र है। छेदोपस्थापनीय आदि चारित्र इसी के विशेष रूप हैं। बाईस तीर्थंकरों ने सामायिक चारित्र का उपदेश दिया था। छेदोपस्थापनीय का उपदेश भगवान ऋषभ और भगवान महावीर ने दिया था।

सामायिक-चारित्र दो प्रकार का होता है—

(क) इत्वर—भगवान ऋषभ और भगवान महावीर के शिष्यों के यह इत्वर-अल्पकाल के लिए होता है। इसकी स्थिति सात दिन, चार मास या छह मास है। तत्पश्‍चात इसके स्थान पर छेदोपस्थापनीय चारित्र स्वीकार किया जाता है।

(ख) यावत्कथिक—शेष बाईस तीर्थंकरों के शिष्यों के सामायिक-चारित्र यावज्जीवन के लिए होता है।

श्रुतसागरसूरि ने तत्त्वार्थ वृत्ति में सामायिक के दो भेद—परिमित-काल और अपरिमित-काल किए हैं। स्वाध्याय आदि के समय जो सामायिक किया जाता है, वह परिमित-काल-सामायिक होता है। ईर्यापथ आदि में अपरिमित-काल-सामायिक होता है।

पूर्व पर्याय (सामायिक-चारित्र) का छेद कर महाव्रतों में उपस्थित करने को 'छेदोपस्थापनीय' कहा जाता है। सामायिक-चारित्र स्वीकार करते समय सर्व सावद्य योग का त्याग किया जाता है, सावद्य योग का विभागश: त्याग नहीं किया जाता।

छेदोपस्थापनीय में विभागश: त्याग किया जाता है। पांच महाव्रतों का पृथक्-पृथक् त्याग किया जाता है, इसलिए आचार्य वीरनन्दि ने छेद का अर्थ भेद या विभाग किया है। पूज्यपाद के अनुसार तीन गुप्ति (मनो-वाक्-काय), पांच समिति (ईर्या, भाषा, एषणा, आदान-निक्षेप और उत्सर्ग) तथा पांच महाव्रत (अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह)—इन तेरह भेद वाले चारित्र का निरूपण भगवान महावीर ने किया था। उनके पूर्ववर्ती तीर्थंकरों ने ऐसे विभागात्मक चारित्र का निरूपण नहीं किया था।

श्रुतसागरसूरि ने संकल्प-विकल्प के त्याग को भी छेदोपस्थापनीय माना है। छेदोपस्थापनीय के दो प्रकार होते हैं —सातिचार और निरतिचार।

दोष सेवन करने वाले मुनि को पुन: महाव्रतों का आरोपण कराया जाता है, वह सातिचार-छेदोपस्थापनीय होता है।

शैक्ष (नव-दीक्षित) मुनि सामायिक चारित्र के पश्‍चात अथवा एक तीर्थंकर के तीर्थ से दूसरे तीर्थंकर के तीर्थ में दीक्षित होने वाले मुनि, जो छेदोपस्थापनीय चारित्र स्वीकार करते हैं, वह निरतिचार होता है।

(३) परिहार विशुद्धि

ये दो प्रकार का होता है—निर्विशमानक और निर्विष्टकायिक।

इसकी आराधना नौ साधु मिलकर करते हैं। इसका काल-मान अठारह मास का है। प्रथम छह माही में चार साधु तपस्या करते हैं, चार साधु सेवा करते हैं और एक वाचनाचार्य (गुरुस्थानीय) रहता है। दूसरी छह माही में तपस्या करने वाले सेवा और सेवा करने वाले तपस्या में संलग्‍न हो जाते हैं। तीसरी छह माही में वाचनाचार्य तप करते हैं, एक साधु वाचनाचार्य हो जाता है, शेष सेवा में संलग्‍न होते हैं। तपस्या में संलग्‍न होते हैं वे 'निर्विशमानक' और जो कर चुकते हैं वे 'निर्विष्टकायिक' कहलाते हैं। उनकी तपस्या का क्रम इस प्रकार है —

जघन्यमध्यमउत्कृष्ट
(१) ग्रीष्म—उपवासबेला तेला
(२) शिशिर—वेलातेला चोला
(३) वर्षा—तेलाचोलापंचोला

पारणा में आचाम्ल (आम्ल-रस के साथ एक अन्न व जल लेकर) तप किया जाता है। जो तप में संलग्‍न नहीं होते, वे सदा आचाम्ल करते हैं। उनकी चारित्रिक विशुद्धि विशिष्ट होती है। परिहार का अर्थ 'तप' है। तप से विशेष शुद्धि प्राप्त की जाती है।

श्रुतसागरसूरि ने परिहार का अर्थ 'प्राण-वध की निवृत्ति' किया है। जिसमें अहिंसा की विशिष्ट साधना हो, वह परिहार-विशुद्धि चारित्र है। उनके अनुसार जिस मुनि की आयु बत्तीस वर्ष की हो, जो बहुत काल तक तीर्थंकरों के चरणों में रह चुका हो, प्रत्याख्यान नामक नवम पूर्व में कहे गए सम्यक् आचार को जानने वाला हो, प्रमाद-रहित हो और तीनों संध्याओं को छोड़कर केवल दो गव्यूति (चार मील) गमन करने वाला हो, उस मुनि के परिहार-विशुद्धि- चारित्र होता है। तीर्थंकर के पाद-मूल में रहने का काल वर्ष-पृथक्त्व (तीन वर्ष से अधिक और नौ वर्ष से कम) है।

(४,५) सूक्ष्म संपराय और यथाख्यात

सामायिक या छेदोपस्थापनीय चारित्र की आराधना करते-करते क्रोध, मान और माया के अणु उपशान्त या क्षीण हो जाते हैं, लोभाणुओं का सूक्ष्म रूप में वेदन होता है, उस समय की चारित्र-स्थिति को 'सूक्ष्म-संपराय चारित्र' कहा जाता है। चौदह गुण-स्थानों में सूक्ष्म संपराय नामक दसवां गुणस्थान यही है। जब क्रोध, मान, माया और लोभ सर्वथा उपशान्त या क्षीण हो जाते हैं, उस समय की चारित्र-स्थिति को 'यथाख्यात चारित्र' कहा जाता है। यह वीतराग-चारित्र है। गुणस्थानों में यह चारित्र दो भागों में विभक्त हैं। 'उपशमात्मक-यथाख्यात चारित्र' उपशान्त-मोह नामक ग्यारहवें और 'क्षयात्मक-यथाख्यात चारित्र' क्षीण-मोह नामक बारहवें आदि गुणस्थान में समाते हैं।

♦

उनतीसवां अध्ययन : सम्यक्त्व-पराक्रम

29

उनतीसवां अध्ययन : सम्यक्त्व-पराक्रम

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'सम्मत्तपरक्कमे'—'सम्यक्त्व- पराक्रम' है। इससे सम्यक्त्व में पराक्रम करने की दिशा मिलती है, इसलिए यह 'सम्यक्त्व-पराक्रम' गुण-निष्पन्न नाम है। निर्युक्तिकार के अनुसार 'सम्यक्त्व-पराक्रम' आदि-पद में है, इसलिए इसका नाम 'सम्यक्त्व-पराक्रम' हुआ है। उनके अभिमत में इसका गुण-निष्पन्न नाम 'अप्रमाद-श्रुत' है। कुछ आचार्य इसे 'वीतराग-श्रुत' भी कहते हैं।

प्रस्तुत अध्ययन में ७१ प्रश्‍न और उत्तर हैं। उनमें साधना-पद्धति का बहुत सूक्ष्म विश्‍लेषण किया गया है। साधना के सूत्रों का वर्गीकरण इस प्रकार किया जा सकता है—

१. संवेग (२)

२. निर्वेद (३)

३. धर्म-श्रद्धा (४)

४. शुश्रूषा—सेवा (५), वैयावृत्त्य (४४)

५. आलोचना (६)

६. निन्दा (७)

७. गर्हा (८)

८. आवश्यक-कर्म—

सामायिक (९), चतुर्विंशतिस्तव (१०), वन्दना (११), प्रतिक्रमण (१२), कायोत्सर्ग (१३), प्रत्याख्यान (१४), स्तव-स्तुति (१५)

९. प्रायश्‍चित्त (१७)

१०. क्षमा-याचना (१८)

११. स्वाध्याय (१९)—

वाचना (२०), प्रतिप्रश्‍न (२१), परिवर्तना (२२), अनुप्रेक्षा (२३), धर्म-कथा (२४), श्रुताराधना (२५), काल-प्रतिलेखना (१६)

१२. मानसिक अनुशासन—

एकाग्र-मन-सन्निवेश (२६), मनो-गुप्ति (५४), मन-समाधारणता (५७), भाव-सत्यता (५१)

१३. वाचिक अनुशासन—

वचो-गुप्ति (५५), वचन-समाधारणता (५८)

१४. कायिक अनुशासन—

करण-सत्यता (५२), काय-गुप्ति (५६), काय- समाधारणता (५९)

१५. योग-सत्य (५३)

१६. कषाय-विजय—

क्रोध-विजय (६८), मान-विजय (६९), माया-विजय (७०), लोभ-विजय (७१), क्षान्ति (४७), मुक्ति (४८), आर्जव (४९), मार्दव (५०), वीतरागता (४६), राग, द्वेष और मिथ्यादर्शन-विजय (७२)

१७. सम्पन्नता—

सर्वगुण-सम्पन्नता (४५), ज्ञान-सम्पन्नता (६०), दर्शन-सम्पन्न्ता (६१), चारित्र-सम्पन्नता (६२)

१८. इन्द्रिय-निग्रह—

श्रोत्रेन्द्रिय-निग्रह (६३), चक्षुरिन्द्रिय-निग्रह (६४), घ्राणेन्द्रिय-निग्रह (६५), रसनेन्द्रिय-निग्रह (६६), स्पर्शनेन्द्रिय-निग्रह (६७)।

१९. प्रत्याख्यान—

सम्भोज-प्रत्याख्यान (३४), उपधि-प्रत्याख्यान (३५), आहार-प्रत्याख्यान (३६), कषाय-प्रत्याख्यान (३७), योग-प्रत्याख्यान (३८), शरीर-प्रत्याख्यान (३९), सहाय-प्रत्याख्यान (४०), भक्त-प्रत्याख्यान (४१), सद्भाव-प्रत्याख्यान (४२)

२०. संयम (२७)

२१. तप (२८)

२२. विशुद्धि (२९)

२३. सुखासक्ति का त्याग (३०)

२४. अप्रतिबद्धता (३१)

२५. विविक्तशयनासन (३२)

२६. विनिवर्तना (३३)

२७. प्रतिरूपता (४३)

जिस प्रकार पातञ्जल योग-दर्शन में अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह, शौच, सन्तोष, तप, ईश्‍वर-प्रणिधान, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार और संयम के परिणाम बतलाए गए हैं, उसी प्रकार यहां संवेग आदि के परिणाम बतलाए गए हैं।

संवेग के परिणाम :

(१) अनुत्तर धर्म-श्रद्धा की प्राप्ति।

(२) अनुत्तर धर्म-श्रद्धा से तीव्र संवेग की प्राप्ति।

(३) तीव्रतम (अनन्तानुबन्धी) क्रोध, मान, माया और लोभ का क्षय।

(४) मिथ्यात्व-कर्म का अपुनर्बन्ध।

(५) मिथ्यात्व-विशुद्धि।

(६) उसी जन्म में या तीसरे जन्म में मुक्ति। (सू० २)

निर्वेद के परिणाम :

(१) काम-भोगों के प्रति अनासक्त-भाव।

(२) इन्द्रियों के विषयों में विरक्ति।

(३) आरम्भ-परित्याग।

(४) संसार-मार्ग का विच्छेद और मोक्ष-मार्ग का स्वीकरण। (सू० ३)

धर्म-श्रद्धा के परिणाम :

(१) सुख-सुविधा के प्रति विरक्ति।

(२) अनगार-धर्म का स्वीकरण।

(३) छेदन-भेदन आदि शारीरिक और संयोग-वियोग आदि मानसिक दु:खों का उच्छेद।

(४) निर्बाध-सुख की प्राप्ति। (सू० ४)

गुरु और साधर्मिकों की सेवा के परिणाम :

(१) विनय-प्रतिपत्ति—आवश्यक कर्त्तव्यों का पालन।

(२) अनाशातनशीलता—गुरुजनों की अवज्ञा आदि से दूर रहने की मनोवृत्ति।

(३) दुर्गति का निरोध।

(४) गुण-ग्राहिता, गुण-प्रकाशन, भक्ति और बहुमान की मनोवृत्ति का विकास।

(५) सुगति की ओर प्रयाण।

(६) विनय-हेतुक ज्ञान आदि की प्राप्ति।

(७) दूसरों को सेवा-धर्म में प्रवृत्त करना। (सू० ५)

आलोचना के परिणाम :

(१) आन्तरिक शल्यों की चिकित्सा।

(२) सरल मनोभाव की विशेष उपलब्धि।

(३) तीव्रतर विकारों से दूर रहने की क्षमता और पूर्व-संचित विकार के संस्कारों का विलय। (सू० ६)

आत्म-निन्दा के परिणाम :

(१) पश्‍चात्ताप-पूर्ण मनोभाव।

(२) अभूत-पूर्व विशुद्धि की परिणाम-धारा का प्रादुर्भाव।

(३) मोह का विलय। (सू० ७)

आत्म-गर्हा के परिणाम :

(१) अपने लिए अवज्ञा-पूर्ण वातावरण का निर्माण।

(२) अप्रशस्त आचरण से निवृत्ति।

(३) ज्ञान आदि के आवरण का विलय। (सू० ८)

सामायिक का परिणाम :

(१) विषमता-पूर्ण मनोभाव (सावद्य प्रवृत्ति) की विरति। (सू० ९)

चतुर्विंशति-स्तव का परिणाम :

(१) दर्शन की विशुद्धि। (सू० १०)

वन्दना के परिणाम :

(१) नीच गोत्र-कर्म का क्षय और उच्च गोत्र-कर्म का अर्जन।

(२) सौभाग्य—लोक-प्रियता।

(३) अनुल्लंघनीय आज्ञा की प्राप्ति।

(४) अनुकूल परिस्थिति। (सू० ११)

प्रतिक्रमण के परिणाम :

(१) व्रत में होने वाले छेदों का निरोध।

(२) चारित्र के धब्बों का परिमार्जन।

(३) आठ प्रवचन-माताओं के प्रति जागरूकता।

(४) अपृथक्त्व—संयमलीनता।

(५) मानसिक निर्मलता। (सू० १२)

कायोत्सर्ग के परिणाम :

(१) अतिचार का विशोधन।

(२) हृदय की स्वस्थता और भार-हीनता।

(३) प्रशस्त-ध्यान की उपलब्धि। (सू० १३)

प्रत्याख्यान का परिणाम :

(१) आश्रव-निरोध। (सू० १४)

स्तव-स्तुति-मंगल के परिणाम :

(१) बोधि-लाभ।

(२) अन्त-क्रिया—मुक्ति।

(३) स्वर्ग-गमन। (सू० १५)

काल-प्रतिलेखना का परिणाम :

(१) ज्ञानावरण कर्म का विलय। (सू० १६)

प्रायश्‍चित्तकरण के परिणाम :

(१) पाप-कर्म का विशोधन।

(२) दोष-विशुद्धि।

(३) मार्ग और मार्ग-फल—ज्ञान की प्राप्ति।

(४) आचार और आचार-फल—आत्म-स्वतंत्रता की आराधना। (सू० १७)

क्षमा-याचना के परिणाम :

(१) आह्लाद-पूर्ण मनोभाव।

(२) सबके प्रति मैत्रीभाव।

(३) मन की निर्मलता।

(४) अभय। (सू० १८)

स्वाध्याय का परिणाम :

(१) ज्ञानावरण कर्म का विलय। (सू० १९)

वाचना—अध्यापन के परिणाम :

(१) निर्जरा—संस्कार-क्षय।

(२) श्रुत की अनाशातना—ज्ञान का विनय।

(३) तीर्थ-धर्म का अवलम्बन—धर्म-परम्परा की अविच्छिन्नता।

(४) चरम साध्य की उपलब्धि। (सू० २०)

प्रतिप्रश्‍न के परिणाम :

(१) सूत्र, अर्थ और तदुभय की विशुद्धि—संशय, विपर्यय आदि का निराकरण।

(२) काङ्क्षा-मोहनीय कर्म का विच्छेद। (सू० २१)

परावर्त्तन के परिणाम :

(१) स्मृत की पुष्टि और विस्मृत की याद।

(२) व्यंजन-लब्धि—पदानुसारिणी बुद्धि का विकास। (सू० २२)

अनुप्रेक्षा के परिणाम :

(१) दृढ़ कर्म का शिथिलीकरण, दीर्घकालीन कर्म-स्थिति का संक्षेपीकरण और तीव्र अनुभाव का मन्दीकरण।

(२) असातवेदनीय कर्म का अनुपचय।

(३) संसार से शीघ्र मुक्ति। (सू० २३)

धर्म-कथा के परिणाम :

(१) निर्जरा।

(२) प्रवचन—धर्म-शासन की प्रभावना।

(३) कुशल कर्मों का अर्जन। (सू० २४)

श्रुताराधना के परिणाम :

(१) अज्ञान का क्षय।

(२) क्लेश-हानि। (सू० २५)

मन को एकाग्र करने का परिणाम :

(१) चित्त-निरोध। (सू० २६)

संयम का परिणाम :

(१) अनाश्रव—आश्रव-निरोध। (सू० २७)

तप का परिणाम :

(१) व्यवदान—कर्म-निर्जरा (सू० २८)

व्यवदान के परिणाम :

(१) अक्रिया—प्रवृत्ति-निरोध।

(२) सर्व-दु:ख-मुक्ति। (सू० २९)

सुख-स्पृहा त्यागने के परिणाम :

(१) अनुत्सुक मनोभाव।

(२) अनुकम्पा-पूर्ण मनोभाव।

(३) प्रशांतता।

(४) शोक-रहित मनोभाव।

(५) चारित्र को विकृत करने वाले मोह का विलय। (सू० ३०)

अप्रतिबद्धता—मानसिक अनासक्ति के परिणाम :

(१) नि:संगता—निर्लेपता।

(२) चित्त की एकाग्रता।

(३) प्रतिपल अनासक्ति। (सू० ३१)

विविक्त शयनासन के परिणाम :

(१) चारित्र की सुरक्षा।

(२) विविक्त-आहार—विकृति-रहित भोजन।

(३) निस्पृहता।

(४) एकांत रमण।

(५) कर्म-ग्रन्थि का मोक्ष। (सू० ३२)

विनिवर्त्तना—विषयों से मन को संहृत करने के परिणाम :

(१) पापाचरण के प्रति अनुत्साह।

(२) अशुभ संस्कारों के विलय का प्रयत्‍न।

(३) संसार की पार-प्राप्ति। (सू० ३३)

संभोज (मंडली-भोजन) प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) परावलम्बन से मुक्ति।

(२) प्रवृत्तियों का मोक्ष की ओर केन्द्रीकरण।

(३) अपने लाभ में सन्तुष्टि और परलाभ की ओर निस्पृहता।

(४) दूसरी सुख-शय्या की प्राप्ति। (सू० ३४)

उपधि-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) प्रतिलेखना आदि के द्वारा होने वाली स्वाध्याय की क्षति से बचाव।

(२) वस्त्र की अभिलाषा से मुक्ति।

(३) उपधि के बिना होने वाले संक्लेश का अभाव। (सू० ३५)

आहार-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) जीने के मोह से मुक्ति।

(२) आहार के बिना होने वाले संक्लेश का अभाव (सू० ३६)

कषाय-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) वीतरागता।

(२) सुख-दु:ख में सम रहने की स्थिति की उपलब्धि। (सू० ३७)

योग-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) स्थिरता।

(२) नवीन कर्म का अग्रहण और पूर्वार्जित कर्म का विलय। (सू० ३८)

शरीर-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) आत्मा का पूर्णोदय।

(२) लोकाग्र-स्थिति।

(३) परम सुख की प्राप्ति। (सू० ३९)

सहाय-प्रत्याख्यान के परिणाम :

(१) अकेलेपन की प्राप्ति।

(२) कलह आदि से मुक्ति।

(३) संयम, संवर और समाधि की विशिष्ट उपलब्धि। (सू० ४०)

भक्त-प्रत्याख्यान—अनशन का परिणाम :

(१) जन्म-परम्परा का अल्पीकरण। (सू० ४१)

सद्भावना-प्रत्याख्यान—पूर्ण संवर के परिणाम :

(१) अनिवृत्ति—मन-वचन और काया की प्रवृत्ति का सर्वथा और सर्वदा अभाव।

(२) अघाति-कर्म का विलय।

(३) सर्व दु:ख-मुक्ति। (सू० ४२)

प्रतिरूपता—अचेलकता के परिणाम :

(१) लाघव।

(२) अप्रमाद।

(३) प्रकट लिंग होना।

(४) प्रशस्त लिंग होना।

(५) विशुद्ध सम्यक्त्व।

(६) सत्त्व और समिति को प्राप्त करना।

(७) सर्वत्र विश्‍वसनीय होना।

(८) अप्रतिलेखना।

(९) जितेन्द्रियता।

(१०) विपुल तप सहित होना—परीषह-सहिष्णु होना। (सू० ४३)

वैयावृत्त्य का परिणाम :

(१) धर्म-शासन के सर्वोच्च पद तीर्थंकरत्व की प्राप्ति। (सू० ४४)

सर्व-गुण सम्पन्नता के परिणाम :

(१) अपुनरावृत्ति—मोक्ष की प्राप्ति।

(२) शारीरिक और मानसिक दु:खों से पूर्ण मुक्ति। (सू० ४५)

वीतरागता के परिणाम :

(१) स्‍नेह और तृष्णा के बन्धन का विच्छेद।

(२) प्रिय शब्द आदि इन्द्रिय-विषयों में विरक्ति। (सू० ४६)

क्षांति-सहिष्णुता का परिणाम:

(१) परीषह-विजय।(सू० ४७)

मुक्ति के परिणाम :

(१) आकिंचन्य।

(२) अर्थ-लुब्ध व्यक्तियों के द्वारा अस्पृहणीयता। (सू० ४८)

ऋजुता के परिणाम :

(१) काया की सरलता।

(२) भावों की सरलता।

(३) भाषा की सरलता।

(४) अविसंवादन—अवंचना-वृत्ति। (सू० ४९)

मृदुता के परिणाम :

(१) अनुद्धत मनोभाव।

(२) आठ मद-स्थानों पर विजय। (सू० ५०)

भाव-सत्य के परिणाम :

(१) भाव-विशुद्धि।

(२) अर्हद्-धर्म की आराधना।

(३) परलोक धर्म की आराधना। (सू० ५१)

करण-सत्य के परिणाम :

(१) कार्यजा-शक्ति की प्राप्ति।

(२) कथनी और करनी का सामंजस्य। (सू० ५२)

योग-सत्य का परिणाम :

(१) मानसिक, वाचिक और कायिक प्रवृत्ति की विशुद्धि। (सू० ५३)

मनो-गुप्ति के परिणाम :

(१) एकाग्रता।

(२) संयम की आराधना। (सू० ५४)

वचन-गुप्ति के परिणाम :

(१) विकार-शून्यता या विचार-शून्यता।

(२) अध्यात्म-योग और ध्यान की प्राप्ति। (सू० ५५)

काय-गुप्ति के परिणाम :

(१) संवर

(२) पापाश्रव का निरोध। (सू० ५६)

मन-समाधारणा के परिणाम :

(१) एकाग्रता।

(२) ज्ञान की विशिष्ट क्षमता।

(३) सम्यक्त्व की विशुद्धि और मिथ्यात्व का क्षय। (सू० ५७)

वचन-समाधारणा के परिणाम :

(१) वाचिक सम्यग्-दर्शन की विशुद्धि।

(२) सुलभ-बोधिता की प्राप्ति और दुर्लभ-बोधिता का क्षय। (सू० ५८)

काय-समाधरणा के परिणाम:

ज्ञान-सम्पन्नता के परिणाम :

(१) पदार्थ-बोध।

(२) पारगामिता।

(३) विशिष्ट विनय आदि की प्राप्ति।

(४) प्रामाणिकता। (सू० ६०)

दर्शन-सम्पन्नता के परिणाम :

(१) भव-मिथ्यात्व का छेदन।

(२) सतत प्रकाश।

(३) ज्ञान और दर्शन की उत्तरोत्तर विशुद्धि। (सू० ६१)

चारित्र-सम्पन्नता के परिणाम :

(१) अप्रकम्प-दशा की प्राप्ति।

(२) भवोपग्राही कर्मों का विलय।

(३) मुक्ति। (सू० ६२)

श्रोत्रेन्द्रिय-निग्रह के परिणाम :

(१) प्रिय और अप्रिय शब्दों में राग और द्वेष का निग्रह।

(२) शब्द-हेतुक नए कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित कर्म का क्षय। (सू० ६३)

चक्षुरिन्द्रिय-निग्रह के परिणाम :

(१) प्रिय और अप्रिय रूपों में राग और द्वेष का निग्रह।

(२) रूप-हेतुक नए कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित कर्म का क्षय। (सू० ६४)

घ्राणेन्द्रिय-निग्रह के परिणाम :

(१) प्रिय और अप्रिय गंधों में राग और द्वेष का निग्रह।

(२) गंध-हेतुक नए कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित कर्म का क्षय। (सू० ६५)

रसनेन्द्रिय-निग्रह के परिणाम :

(१) प्रिय और अप्रिय रसों में राग और द्वेष का निग्रह।

(२) रस-हेतुक नए कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित कर्म का क्षय। (सू० ६६)

स्पर्शनेन्द्रिय-निग्रह के परिणाम :

(१) प्रिय और अप्रिय स्पर्शों में राग और द्वेष का निग्रह।

(२) स्पर्श-हेतुक नए कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित कर्म का क्षय। (सू० ६७)

क्रोध-विजय के परिणाम :

(१) क्षमा।

(२) क्रोध-वेदनीय कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित क्रोध-वेदनीय कर्म का विलय। (सू० ६८)

मान-विजय के परिणाम :

(१) मार्दव।

(२) मान-वेदनीय कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित मान-वेदनीय कर्म का विलय। (सू० ६९)

माया-विजय के परिणाम :

(१) आर्जव।

(२) माया-वेदनीय कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित माया-वेदनीय कर्म का विलय। (सू० ७०)

लोभ-विजय के परिणाम :

(१) सन्तोष

(२) लोभ-वेदनीय कर्म का अग्रहण और पूर्व संचित लोभ-वेदनीय कर्म का विलय। (सू० ७१)

प्रेम, द्वेष और मिथ्या-दर्शन विजय के परिणाम :

(१) ज्ञान, दर्शन और चारित्र-आराधना की तत्परता।

(२) मुक्ति। (सू० ७२)

एगूणतीसइमं अज्झयणं : सम्मत्तपरक्कमे

उनतीसवां अध्ययन : सम्यक्त्व-पराक्रम

मूल

१. सुयं मे आउसं! तेणं भगवया एवमक्खायं—इह खलु सम्मत्तपरक्कमे नाम अज्झयणे समणेणं भगवया महावीरेणं कासवेणं पवेइए, जं सम्मं सद्दहित्ता पत्तियाइत्ता रोयइत्ता फासइत्ता पालइत्ता तीरइत्ता किट्टइत्ता सोहइत्ता आराहइत्ता आणाए अणुपालइत्ता बहवे जीवा सिज्झंति बुज्झंति मुच्चंति परिनिव्वायंति सव्वदुक्खाणमंतं करेंति। तस्स णं अयमट्ठे एवमाहिज्जइ तं जहा—

हिन्‍दी अनुवाद

आयुष्मन्! मैंने सुना है भगवान् ने इस प्रकार कहा है—इस निर्ग्रन्थ-प्रवचन में काश्यप-गोत्री श्रमण भगवान् महावीर ने सम्यक्त्व-पराक्रम नाम का अध्ययन कहा है, जिस पर भलीभांति श्रद्धा कर, प्रतीति कर, रुचि रख कर, जिसके विषय का स्पर्श कर, स्मृति में रख कर, समग्ररूप में हस्तगत कर गुरु को पठित पाठ का निवेदन कर, गुरु के समीप उच्चारण की शुद्धि कर, सही अर्थ का बोध प्राप्त कर और अर्हत् की आज्ञा के अनुसार अनुपालन कर बहुत जीव सिद्ध होते हैं, प्रशांत होते हैं, मुक्त होते हैं, परिनिर्वृत होते हैं और सब दु:खों का अन्त करते हैं। सम्यक्त्व-पराक्रम का अर्थ इस प्रकार कहा गया है। जैसे—

संवेगे १

संवेग १

निव्वेए २

निर्वेद २

धम्मसद्धा ३

धर्मश्रद्धा ३

गुरुसाहम्मियसुस्सूसणया ४

गुरु और साधर्मिक की शुश्रूषा ४

आलोयणया ५

आलोचना ५

निंदणया ६

निन्दा ६

गरहणया ७

गर्हा ७

सामाइए ८

सामायिक ८

चउव्वीसत्थए ९

चतुर्विंशतिस्तव ९

वंदणए १०

वन्दन १०

पडिक्कमणे ११

प्रतिक्रमण ११

काउस्सग्गे १२

कायोत्सर्ग १२

पच्चक्खाणे १३

प्रत्याख्यान १३

थवथुइमंगले १४

स्तवस्तुतिमंगल १४

कालपडिलेहणया १५

कालप्रतिलेखन १५

पायच्छित्तकरणे १६

प्रायश्‍चित्तकरण १६

खमावणया १७

क्षमापना १७

सज्झाए १८

स्वाध्याय १८

वायणया १९

वाचना १९

पडिपुच्छणया २०

प्रतिप्रच्छना २०

परियट्टणया २१

परावर्त्तना २१

अणुप्पेहा २२

अनुप्रेक्षा २२

धम्मकहा २३

धर्मकथा २३

सुयस्स आराहणया २४

श्रुताराधना २४

एगग्गमणसन्निवेसणया २५

एकाग्रमन की स्थापना २५

संजमे २६

संयम २६

तवे २७

तप २७

वोदाणे २८

व्यवदान २८

सुहसाए २९

सुख की स्पृहा का त्याग २९

अप्पडिबद्धया ३०

अप्रतिबद्धता ३०

विवित्तसयणासणसेवणया ३१

विविक्तशयनासनसेवन ३१

विणियट्टणया ३२

विनिवर्त्तना ३२

संभोगपच्चक्खाणे ३३

सम्भोजप्रत्याख्यान ३३

उवहिपच्चक्खाणे ३४

उपधिप्रत्याख्यान ३४

आहारपच्चक्खाणे ३५

आहारप्रत्याख्यान ३५

कसायपच्चक्खाणे ३६

कषायप्रत्याख्यान ३६

जोगपच्चक्खाणे ३७

योगप्रत्याख्यान ३७

सरीरपच्चक्खाणे ३८

शरीरप्रत्याख्यान ३८

सहायपच्चक्खाणे ३९

सहायप्रत्याख्यान ३९

भत्तपच्चक्खाणे ४०

भक्तप्रत्याख्यान ४०

सब्भावपच्चक्खाणे ४१

सद्भावप्रत्याख्यान ४१

पडिरूवया ४२

प्रतिरूपता ४२

वेयावच्चे ४३

वैयावृत्त्य ४३

सव्वगुणसंपण्णया ४४

सर्वगुणसम्पन्नता ४४

वीयरागया ४५

वीतरागता ४५

खंती ४६

क्षांति ४६

मुत्ती ४७

मुक्ति ४७

अज्जवे ४८

आर्जव ४८

मद्दवे ४९

मार्दव ४९

भावसच्चे ५०

भावसत्य ५०

करणसच्चे ५१

करणसत्य ५१

जोगसच्चे ५२

योगसत्य ५२

मणगुत्तया ५३

मनोगुप्तता ५३

वइगुत्तया ५४

वाक्गुप्तता ५४

कायगुत्तया ५५

कायगुप्तता ५५

मणसमाधारणया ५६

मन:समाधारणा ५६

वइसमाधारणया ५७

वाक्समाधारणा ५७

कायसमाधारणया ५८

कायसमाधारणा ५८

नाणसंपन्नया ५९

ज्ञानसम्पन्नता ५९

दंसणसंपन्नया ६०

दर्शनसम्पन्नता ६०

चरित्तसंपन्नया ६१

चारित्रसम्पन्नता ६१

सोइंदियनिग्गहे ६२

श्रोत्रेन्द्रियनिग्रह ६२

चक्खिंदियनिग्गहे ६३

चक्षुरिन्द्रियनिग्रह ६३

घाणिंदियनिग्गहे ६४

घ्राणेन्द्रियनिग्रह ६४

जिब्भिंदियनिग्गहे ६५

जिह्वेन्द्रियनिग्रह ६५

फासिंदियनिग्गहे ६६

स्पर्शनेन्द्रियनिग्रह ६६

कोहविजए ६७

क्रोधविजय ६७

माणविजए ६८

मानविजय ६८

मायाविजए ६९

मायाविजय ६९

लोहविजए ७०

लोभविजय ७०

पेज्जदोसमिच्छादंसणविजए ७१

प्रेयोद्वेषमिथ्यादर्शनविजय ७१

सेलेसी ७२

शैलेशी ७२

अकम्मया ७३।।

अकर्मता ७३।।

२. संवेगेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

संवेगेणं अणुत्तरं धम्मसद्धं जणयइ। अणुत्तराए धम्मसद्धाए संवेगं हव्वमागच्छइ, अणंताणु- बंधिकोहमाणमायालोभे खवेइ, कम्मं न बंधइ, तप्पच्चइयं च णं मिच्छत्तविसोहिं काऊण दंसणाराहए भवइ। दंसणविसोहीए य णं विसुद्धाए अत्थेगइए तेणेव भवग्गहणेणं सिज्झइ। सोहीए य णं विसुद्धाए तच्चं पुणो भवग्गहणं नाइक्कमइ।।

भंते! संवेग (मोक्ष की अभिलाषा) से जीव क्या प्राप्त करता है?

संवेग से वह अनुत्तर धर्म-श्रद्धा को प्राप्त होता है। अनुत्तर धर्म-श्रद्धा से तीव्र संवेग को प्राप्त करता है, अनन्तानुबन्धी क्रोध, मान, माया और लोभ का क्षय करता है, नये कर्मों का संग्रह नहीं करता, कषाय के क्षीण होने से प्रकट होने वाली मिथ्यात्वविशुद्धि कर दर्शन (सम्यक् श्रद्धान) की आराधना करता है। दर्शन-विशोधि के विशुद्ध होने पर कई एक जीव उसी जन्म से सिद्ध हो जाते हैं और कुछ उसके विशुद्ध होने पर तीसरे जन्म का अतिक्रमण नहीं करते—उसमें अवश्य ही सिद्ध हो जाते हैं।

३. निव्वेएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

निव्वेएणं दिव्वमाणुसतेरिच्छिएसु कामभोगेसु निव्वेयं हव्वमागच्छइ, सव्वविसएसु विरज्जइ। सव्वविस-एसु विरज्जमाणे आरंभपरिच्चायं करेइ। आरंभपरिच्चायं करेमाणे संसारमग्गं वोच्छिंदइ, सिद्धिमग्गे पडिवन्ने य भवइ।।

भंते! निर्वेद (भव-वैराग्य) से जीव क्या प्राप्त करता है?

निर्वेद से वह देव, मनुष्य और तिर्यंच संबंधी काम-भोगों में तीव्र ग्लानि को प्राप्त होता है, सब विषयों में विरक्त हो जाता है। सब विषयों से विरक्त होता हुआ वह आरम्भ का परित्याग करता है। आरम्भ का परित्याग करता हुआ संसारमार्ग का विच्छेद करता है और सिद्धि-मार्ग को प्राप्त होता है।१

४. धम्मसद्धाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

धम्मसद्धाए णं सायासोक्खेसु रज्जमाणे विरज्जइ, अगारधम्मं च णं चयइ अणगारे णं जीवे सारीरमाणसाणं दुक्खाणं छेयणभेयणसंजोगाईणं वोच्छेयं करेइ अव्वाबाहं च सुहं निव्वत्तेइ।।

भंते! धर्मश्रद्धा से जीव क्या प्राप्त करता है?

धर्मश्रद्धा से२ वह वैषयिक सुखों की३ आसक्ति को छोड़ विरक्त हो जाता है, अगार-धर्म—गृहस्थी४ को त्याग देता है। वह अनगार होकर छेदन-भेदन आदि शारीरिक दु:खों तथा संयोग-वियोग आदि मानसिक दु:खों का विच्छेद करता है और निर्बाध (बाधा-रहित) सुख को प्राप्त करता है।

५. गुरुसाहम्मियसुस्सूसणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

गुरुसाहम्मियसुस्सूसणयाए णं विणयपडिवत्तिं जणयइ। विणय-पडिवन्ने य णं जीवे अणच्चासायणसीले नेरइयति-रिक्खजोणियमणुस्सदेव-दोग्गईओ निरुंभइ, वण्णसंजल-णभत्तिबहु-माणयाए मणुस्सदेव-सोग्गईओ निबंधइ, सिद्धिं सोग्गइं च विसोहेइ। पसत्थाइं च णं विणयमूलाइं सव्वकज्जाइं साहेइ। अन्ने य बहवे जीवे विणइत्ता भवइ।।

भंते! गुरु और साधर्मिक (समान आचार और समान सामाचारी वाला मुनि) की शुश्रूषा (पर्युपासना) से जीव क्या प्राप्त करता है?

गुरु और साधर्मिक की शुश्रूषा से वह विनय को प्राप्त होता है। विनय को प्राप्त करने वाला व्यक्ति गुरु का अविनय या परिवाद करने वाला नहीं होता५, इसलिए वह नैरयिक, तिर्यग्-योनिक, मनुष्य और देव सम्बन्धी दुर्गति का निरोध करता है। गुरु की श्‍लाघा, गुण-प्रकाशन, भक्ति और बहुमान के द्वारा६ मनुष्य और देव-सम्बन्धी सुगति से सम्बन्ध जोड़ता है७ तथा सिद्धि सुगति का मार्ग८ प्रशस्त करता है। वह विनय-मूलक सब प्रशस्त कार्यों को सिद्ध करता है और दूसरे बहुत व्यक्तियों को विनय के पथ पर ले आता है।

६. आलोयणाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

आलोयणाए णं मायानियाण-मिच्छादंसणसल्लाणं मोक्खमग्ग-विग्घाणं अणंतसंसारवद्धणाणं उद्धरणं करेइ, उज्जुभावं च जणयइ। उज्जुभावपडिवन्ने य णं जीवे अमाई इत्थीवेयनपुंसगवेयं च न बंधइ पुव्वबद्धं च णं निज्जरेइ।।

भंते! आलोचना (गुरु के सम्मुख अपनी भूलों का निवेदन करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

आलोचना से वह अनन्त संसार को बढ़ाने वाले, मोक्ष-मार्ग में विघ्न उत्पन्न करने वाले, माया, निदान तथा मिथ्या-दर्शन-शल्य को९ निकाल फेंकता है और ऋजु-भाव को प्राप्त होता है। ऋजु-भाव को प्राप्त हुआ व्यक्ति अमायी होता है, इसलिए वह स्त्री-वेद और नपुंसक-वेद कर्म का बन्ध नहीं करता और यदि वे पहले बन्धे हुए हों तो उनका क्षय कर देता है।

७. निंदणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

निंदणयाए णं पच्छाणुतावं जणयइ। पच्छाणुतावेणं विरज्जमाणे करण-गुणसेढिं पडिवज्जइ। करणगुणसेढिं पडिवन्ने य णं अणगारे मोहणिज्जं कम्मं उग्घाएइ।।

भंते! निन्दा (अपनी भूलों के प्रति अनादर का भाव प्रकट करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

निन्दा से वह पश्‍चात्ताप को प्राप्त होता है। उसके द्वारा विरक्त होता हुआ मोह को क्षीण करने में समर्थ परिणाम धारा—करण गुणश्रेणी (क्षपकश्रेणी) को १० प्राप्त करता है। वैसी परिणाम-धारा को प्राप्त हुआ अनगार मोहनीय कर्म को क्षीण कर देता है।

८. गरहणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

गरहणयाए णं अपुरक्कारं जणयइ। अपुरक्कारगए णं जीवे अप्पसत्थेहिंतो जोगेहिंतो नियत्तेइ, पसत्थजोगपडिवन्ने य णं अणगारे अणंतघाइपज्जवे खवेइ।।

भंते! गर्हा (दूसरों के समक्ष अपनी भूलों को प्रकट करने से) से जीव क्या प्राप्त करता है?

गर्हा से वह अनादर को११ प्राप्त होता है। अनादर को प्राप्त हुआ वह अप्रशस्त प्रवृत्तियों से निवृत्त होता है और प्रशस्त प्रवृत्तियों को अंगीकार करता है। वैसा अनगार आत्मा के अनन्त-विकास का घात करने वाले ज्ञानावरण आदि कर्मों की परिणतियों को१२ क्षीण करता है।१३

९. सामाइएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सामाइएणं सावज्जजोगविरइं जणयइ।।

भंते! सामायिक (समभाव की साधना) से जीव क्या प्राप्त करता है?

सामायिक से वह असत् प्रवृत्ति की विरति१४ को प्राप्त होता है।

१०. चउव्वीसत्थएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

चउव्वीसत्थएणं दंसणविसोहिं जणयइ।।

भंते! चतुर्विंशति-स्तव (चौबीस तीर्थंकरों की स्तुति करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

चतुर्विंशति-स्तव से वह दर्शन (दर्शनाचार) की विशुद्धि१५ को प्राप्त होता है।

११. वंदणएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

वंदणएणं नीयागोयं कम्मं खवेइ, उच्चागोयं निबंधइ। सोहग्गं च णं अप्पडिहयं आणाफलं निव्वत्तेइ, दाहिण- भावं च णं जणयइ।।

भंते! वन्दना से जीव क्या प्राप्त करता है?

वन्दना से वह नीच-कुल में उत्पन्न करने वाले कर्मों को क्षीण करता है, ऊंचे-कुल में उत्पन्न होने वाले कर्म का अर्जन करता है।१६ जिसकी आज्ञा को लोग शिरोधार्य करें वैसा अबाधित सौभाग्य और जनता की अनुकूल भावना को प्राप्त होता है।

१२. पडिक्कमणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

पडिक्कमणेणं वयछिद्दाइं पिहेइ। पिहियवयछिद्दे पुण जीवे निरुद्धासवे असबलचरित्ते अट्ठसु पवयणमायासु उवउत्ते अपुहत्ते सुप्पणिहिय विहरइ।

भंते! प्रतिक्रमण से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रतिक्रमण से१७ वह व्रत के छेदों को ढंक देता है। जिसने व्रत के छेदों को भर दिया वैसा जीव आश्रवों को रोक देता है, चारित्र के धब्बों को मिटा देता है, आठ-प्रवचन माताओं में सावधान हो जाता है, संयम में एकरस हो जाता है और भलीभांति समाधिस्थ होकर विहार करता है।

१३. काउस्सग्गेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

काउस्सग्गेणं तीयपडुप्पन्नं पायच्छित्तं विसोहेइ। विसुद्धपायच्छित्ते य जीवे निव्वुयहियए ओहरियभारो व्व भारवहे पसत्थज्झाणोवगए सुहंसुहेणं विहरइ।।

भंते! कायोत्सर्ग से जीव क्या प्राप्त करता है?

कायोत्सर्ग से१८ वह अतीत और वर्तमान के प्रायश्‍चित्तोचित कार्यों का विशोधन करता है।१९ ऐसा करने वाला व्यक्ति भार को नीचे रख देने वाले भार-वाहक की भांति स्वस्थ हृदय वाला—हल्का हो जाता है और प्रशस्त-ध्यान में लीन होकर सुखपूर्वक विहार करता है।

१४. पच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

पच्चक्खाणेणं आसवदाराइं निरुंभइ।।

भंते! प्रत्याख्यान से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रत्याख्यान से वह आश्रव-द्वारों (कर्म-बन्धन के हेतुओं) का निरोध करता है।

१५. थवथुइमंगलेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

थवथुइमंगलेणं नाणदंसणचरित्त-बोहिलाभं जणयइ। नाणदंसण-चरित्तबोहिलाभसंपन्ने य णं जीवे अंतकिरियं कप्पविमाणोववत्तिगं आराहणं आराहेइ।।

भंते! स्तव व स्तुति रूप मंगल से जीव क्या प्राप्त करता है?

स्तव और स्तुति२० रूप मंगल से वह ज्ञान, दर्शन और चारित्र की बोधि का लाभ करता है। ज्ञान, दर्शन और चारित्र के बोधि-लाभ से सम्पन्न व्यक्ति मोक्ष-प्राप्ति२१ या वैमानिक देवों में२२ उत्पन्न होने योग्य आराधना करता है।

१६. कालपडिलेहणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

कालपडिलेहणयाए णं नाणावरणिज्जं कम्मं खवेइ।।

भंते! काल-प्रतिलेखना (स्वाध्याय आदि के उपयुक्त समय का ज्ञान करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

काल-प्रतिलेखना से२३ वह ज्ञानावरणीय कर्म को क्षीण करता है।

१७. पायच्छित्तकरणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

पायच्छित्तकरणेणं पावकम्म-विसोहिं जणयइ, निरइयारे यावि भवइ। सम्मं च णं पायच्छित्तं पडिवज्जमाणे मग्गं च मग्गफलं च विसोहेइ, आयारं च आयारफलं च आराहेइ।।

भंते! प्रायश्‍चित्त करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रायश्‍चित्त करने से वह पाप-कर्म की विशुद्धि करता है और निरतिचार हो जाता है। सम्यक्-प्रकार से प्रायश्‍चित्त करने वाला मार्ग (सम्यक्त्व)२४ और मार्ग-फल (ज्ञान) को निर्मल करता है और आचार (चारित्र) और आचार-फल (मुक्ति) की आराधना करता है।

१८. खमावणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

खमावणयाए णं पल्हायणभावं जणयइ। पल्हायणभावमुवगए य सव्वपाणभूयजीवसत्तेसु मित्ती-भावमुप्पाएइ। मित्तीभावमुवगए यावि जीवे भावविसोहिं काऊण निब्भए भवइ।।

भंते! क्षमा करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

क्षमा करने से वह मानसिक प्रसन्नता को प्राप्त होता है। मानसिक प्रसन्नता को प्राप्त हुआ व्यक्ति सब प्राण, भूत, जीव और सत्त्वों के साथ मैत्री-भाव उत्पन्न करता है। मैत्री-भाव को प्राप्त हुआ जीव भावना को विशुद्ध बनाकर निर्भय हो जाता है।२५

१९. सज्झाएण भंते! जीवे किं जणयइ?

सज्झाएण नाणावरणिज्जं कम्मं खवेइ।

भंते! स्वाध्याय से जीव क्या प्राप्त करता है?

स्वाध्याय से वह ज्ञानावरणीय कर्म को क्षीण करता है।२६

२०. वायणाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

वायणाए णं निज्जरं जणयइ, सुयस्स य अणासायणाए वट्टए। सुयस्स अणासायणाए वट्टमाणे तित्थधम्मं अवलंबइ। तित्थधम्मं अवलंबमाणे महानिज्जरे महा- पज्जवसाणे भवइ।।

भंते! वाचना (अध्यापन) से जीव क्या प्राप्त करता है?

वाचना से वह कर्मों को क्षीण करता है। श्रुत की उपेक्षा के दोष से बच जाता है। इस उपेक्षा के दोष से बचने वाला तीर्थ-धर्म का अवलम्बन करता है२७ —श्रुत देने में प्रवृत्त होता है। तीर्थ-धर्म का अवलम्बन करने वाला कर्मों और संसार का अन्त करने वाला२८ होता है।

२१. पडिपुच्छणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

पडिपुच्छणयाए णं सुत्तत्थतदुभयाइं विसोहेइ। कंखामोहणिज्जं कम्मं वोच्छिंदइ।

भंते! प्रतिप्रश्‍न करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रतिप्रश्‍न करने से वह सूत्र, अर्थ और उन दोनों से सम्बन्धित२९ सन्देहों का निवर्तन करता है और कांक्षा-मोहनीय३० कर्म का विनाश करता है।

२२. परियट्टणाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

परियट्टणाए णं वंजणाइं जणयइ वंजणलद्धिं च उप्पाएइ।।

भंते! परावर्त्तना (पठित-पाठ के पुनरावर्तन) से जीव क्या प्राप्त करता है?

परावर्त्तना से वह अक्षरों को उत्पन्न करता है—स्मृत को परिपक्‍व और विस्मृत को याद करता है तथा व्यंजन-लब्धि (वर्ण विद्या) को३१ प्राप्त होता है।

२३. अणुप्पेहाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

अणुप्पेहाए णं आउय-वज्जाओ सत्तकम्मप्पगडीओ धणिय-बंधणबद्धाओ सिढिलबंधणबद्धाओ पकरेइ, दीहकालट्ठिइयाओ हस्सकालट्ठिइयाओ पकरेइ, तिव्वाणुभावाओ मंदाणुभावाओ पकरेइ, बहुपएसग्गाओ अप्पपएसग्गाओ पकरेइ, आउयं च णं कम्मं सिय बंधइ सिय नो बंधइ। असायावेयणिज्जं च णं कम्मं नो भुज्जो भुज्जो उवचिणाइ अणाइयं च णं अणवदग्गं दीहमद्धं चाउरंतं संसारकंतारं खिप्पामेव वीइवयइ।।

भंते! अनुप्रेक्षा (अर्थ-चिन्तन) से जीव क्या प्राप्त करता है?

अनुप्रेक्षा से३२ वह आयुष्-कर्म को छोड़ कर शेष सात कर्मों की गाढ-बन्धन से बन्धी हुई प्रकृतियों को शिथिल-बन्धन वाली कर देता है, उनकी दीर्घ-कालीन स्थिति को अल्पकालीन कर देता है, उनके तीव्र अनुभव को मन्द कर देता है। उनके बहु-प्रदेशाग्र को अल्प-प्रदेशाग्र में बदल देता है। आयुष्-कर्म का बन्ध कदाचित् करता है, कदाचित् नहीं भी करता। असात-वेदनीय कर्म का बार-बार उपचय नहीं करता और अनादि-अनन्त लम्बे-मार्ग वाली३३ तथा चतुर्गति-रूप चार अन्तों वाली३४ संसार अटवी को तुरन्त ही पार कर जाता है।

२४. धम्मकहाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

धम्मकहाए णं निज्जरं जणयइ। धम्मकहाए णं पवयणं पभावेइ। पवयणपभावे णं जीवे आगमिसस्स भद्दत्ताए कम्मं निबंधइ।

भंते! धर्म-कथा से जीव क्या प्राप्त करता है?

धर्म-कथा से वह कर्मों को क्षीण करता है और प्रवचन३५की प्रभावना करता है। प्रवचन की प्रभावना करने वाला जीव भविष्य में कल्याणकारी फल देने वाले कर्मों का अर्जन करता है।

२५. सुयस्स आराहणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

सुयस्स आराहणयाए णं अण्णाणं खवेइ न य संकिलिस्सइ।।

भंते! श्रुत की आराधना से जीव क्या प्राप्त करता है?

श्रुत की आराधना से अज्ञान का क्षय करता है और राग-द्वेष आदि से उत्पन्न होने वाले मानसिक संक्लेशों से बच जाता है।३६

२६. एगग्गमणसन्निवेसणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

एगग्गमणसन्निवेसणयाए णं चित्तनिरोहं करेइ।।

भंते! एक अग्र (आलम्बन) पर मन को स्थापित करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

एकाग्रमन की स्थापना से वह चित्त का निरोध करता है।३७

२७. संजमेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

संजमेणं अणण्हयत्तं जणयइ।।

भंते! संयम से जीव क्या प्राप्त करता है?

संयम से वह आश्रव का निरोध करता है।

२८. तवेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

तवेणं वोदाणं जणयइ।।

भंते! तप से जीव क्या प्राप्त करता है?

तप से वह व्यवदान—पूर्वसंचित कर्मों को क्षीण कर विशुद्धि को प्राप्त होता है।

२९. वोदाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

वोदाणेणं अकिरियं जणयइ। अकिरियाए भवित्ता तओ पच्छा सिज्झइ बुज्झइ मुच्चइ परिनिव्वाएइ सव्वदुक्खाणमंतं करेइ।।

भंते! व्यवदान से जीव क्या प्राप्त करता है?

व्यवदान से वह अक्रिया (मन, वचन और शरीर की प्रवृत्ति के पूर्ण निरोध) को प्राप्त होता है, वह अक्रियावान् होकर सिद्ध होता है, प्रशान्त होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वृत होता है और दु:खों का अन्त करता है।३८

३०. सुहसाएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सुहसाएणं अणुस्सुयत्तं जणयइ। अणुस्सुयाए णं जीवे अणुकंपए अणुब्भडे विगयसोगे चरित्तमोहणिज्जं कम्मं खवेइ।।

भंते! सुख की स्पृहा का निवारण करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

सुख की स्पृहा का निवारण करने से वह विषयों के प्रति अनुत्सुक-भाव को प्राप्त करता है। विषयों के प्रति अनुत्सुक जीव अनुकम्पा करने वाला, प्रशांत और शोक-मुक्त होकर चरित्र को विकृत करने वाले मोह-कर्म का क्षय करता है।३९

३१. अप्पडिबद्धयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

अप्पडिबद्धयाए णं निस्संगत्तं जणयइ। निस्संगत्तेणं जीवे एगे एगग्गचित्ते दिया य राओ य असज्जमाणे अप्पडिबद्धे यावि विहरइ।।

भंते! अप्रतिबद्धता (मन की अनासक्ति) से जीव क्या प्राप्त करता है?

अप्रतिबद्धता से वह असंग हो जाता है—बाह्य संसर्गों से मुक्त हो जाता है। असंगता से जीव अकेला (राग-द्वेष रहित), एकाग्रचित्त वाला, दिन और रात बाह्य-संसर्गों को छोड़ता हुआ प्रतिबन्ध रहित होकर विहार करता है।४०

३२. विवित्तसयणासणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

विवित्तसयणासणयाए णं चरित्तगुत्तिं जणयइ। चरित्तगुत्ते य णं जीवे विवित्ताहारे दढचरित्ते एगंतरए मोक्खभावपडिवन्ने अट्ठविहकम्मगंठिं निज्जरेइ।।

भंते! विविक्त-शयनासन के सेवन से जीव क्या प्राप्त करता है?

विविक्त-शयनासन४१ के सेवन से वह चारित्र की रक्षा को प्राप्त होता है। चारित्र की सुरक्षा करने वाला जीव पौष्टिक आहार का वर्जन करने वाला,४२ दृढ़ चारित्र वाला, एकांत में रत,४३अन्त:करण से मोक्ष-साधना में लगा हुआ आठ प्रकार के कर्मों की गांठ को तोड़ देता है।

३३. विणियट्टणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

विणियट्टणयाए णं पावकम्माणं अकरणयाए अब्भुट्ठेइ। पुव्वबद्धाण य निज्जरणयाए तं नियत्तेइ, तओ पच्छा चाउरंतं संसारकंतारं वीइवयइ।।

भंते! विनिवर्तना (इन्द्रिय और मन को विषयों से दूर रखने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

विनिवर्तना से वह नए सिरे से पाप-कर्मों को नहीं करने के लिए तत्पर रहता है और पूर्व-बद्ध कर्म की निर्जरा के द्वारा उसका निवर्तन कर देता है। इस प्रकार वह पाप-कर्म का विनाश कर देता है। उसके पश्‍चात् चार गति रूप चार अन्तों वाली संसार अटवी को पार कर जाता है।४४

३४. संभोगपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

संभोगपच्चक्खाणेणं आलंबणाइं खवेइ। निरालंबणस्स य आययट्ठिया जोगा भवंति। सएणं लाभेण संतुस्सइ, परलाभं नो आसाएइ नो तक्केइ नो पीहेइ नो पत्थेइ नो अभिलसइ। परलाभं अणासायमाणे अतक्केमाणे अपीहेमाणे अपत्थेमाणे अणभिलसमाणे दुच्चं सुहसेज्जं उवसंपज्जित्ताणं विहरइ।।

भंते! सम्भोज-प्रत्याख्यान (मंडली-भोजन) का त्याग४५ करने वाला जीव क्या प्राप्त करता है?

सम्भोज-प्रत्याख्यान से वह परावलम्बन को छोड़ता है। उस परावलम्बन को छोड़ने वाले मुनि के सारे प्रयत्‍न मोक्ष की सिद्धि के लिए४६ होते हैं। वह भिक्षा में स्वयं को जो कुछ मिलता है उसी में संतुष्ट हो जाता है। दूसरे मुनियों को मिली हुई भिक्षा में आस्वाद नहीं लेता, उसकी ताक नहीं करता, स्पृहा नहीं करता, प्रार्थना नहीं करता और अभिलाषा नहीं करता। दूसरे को मिली हुई भिक्षा में आस्वाद न लेता हुआ, उसकी ताक न रखता हुआ, स्पृहा न करता हुआ, प्रार्थना न करता हुआ और अभिलाषा न करता हुआ वह दूसरी सुख शय्या को प्राप्त कर विहार करता है।

३५. उवहिपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

उवहिपच्चक्खाणेणं अपलिमंथं जणयइ। निरुवहिए णं जीवे निक्कंखे उवहिमंतरेण य न संकिलिस्सई।।

भंते! उपधि (वस्त्र आदि उपकरणों) के प्रत्याख्यान से जीव क्या प्राप्त करता है?

उपधि के प्रत्याख्यान से४७ वह स्वाध्याय-ध्यान में होने वाले क्षति से बच जाता है। उपधि रहित मुनि अभिलाषा से मुक्त होकर उपधि के अभाव में मानसिक संक्लेश को प्राप्त नहीं होता।

३६. आहारपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

आहारपच्चक्खाणेणं जीवि-यासंसप्पओगं वोच्छिंदइ, वोच्छिंदित्ता जीवे आहारमंतरेण न संकिलिस्सइ।।

भंते! आहार प्रत्याख्यान से जीव क्या प्राप्त करता है?

आहार-प्रत्याख्यान से४८ वह जीवित रहने की अभिलाषा के प्रयोग का विच्छेद कर देता है। जीवित रहने की अभिलाषा का विच्छेद कर देने वाला व्यक्ति आहार के बिना (तपस्या आदि में) संक्लेश को प्राप्त नहीं होता।

३७. कसायपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

कसायपच्चक्खाणेणं वीयरागभावं जणयइ। वीयरागभावपडिवन्ने वि य णं जीवे समसुहदुक्खे भवइ।।

भंते! कषाय (क्रोध, मान, माया और लोभ) के प्रत्याख्यान से जीव क्या प्राप्त करता है?

कषाय-प्रत्याख्यान से४९ वह वीतराग भाव को प्राप्त करता है। वीतराग-भाव को प्राप्त हुआ जीव सुख-दु:ख में सम हो जाता है।

३८. जोगपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

जोगपच्चक्खाणेणं अजोगत्तं जणयइ। अजोगी णं जीवे नवं कम्मं न बंधइ पुव्वबद्धं निज्जरेइ।।

भंते! योग (शरीर, वचन और मन की प्रवृत्ति) के प्रत्याख्यान से जीव क्या प्राप्त करता है?

योग-प्रत्याख्यान से वह अयोगत्व (सर्वथा अप्रकम्प भाव) को प्राप्त होता है। अयोगी जीव नये कर्मों का अर्जन नहीं करता और पूर्वार्जित कर्मों को क्षीण कर देता है।

३९. सरीरपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सरीरपच्चक्खाणेणं सिद्धा-इसयगुणत्तणं निव्वत्तेइ। सिद्धाइसयगुणसंपन्ने य णं जीवे लोगग्गमुवगए परमसुही भवइ।।

भंते! शरीर के प्रत्याख्यान (देह-मुक्ति) से जीव क्या प्राप्त करता है?

शरीर के प्रत्याख्यान से वह मुक्त-आत्माओं के अतिशय गुणों को प्राप्त करता है। मुक्त-आत्माओं के अतिशय गुणों को प्राप्त करने वाला जीव लोक के शिखर में पहुंचकर परम सुखी हो जाता है।५०

४०. सहायपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सहायपच्चक्खाणेणं एगीभावं जणयइ। एगीभावभूए वि य णं जीवे एगग्गं भावेमाणे अप्पसद्दे अप्पझंझे अप्पकलहे अप्पकसाए अप्पतुमंतुमे संजमबहुले संवरबहुले समाहिए यावि भवइ।।

भंते! सहाय-प्रत्याख्यान (दूसरों का सहयोग न लेने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

सहाय-प्रत्याख्यान से५१वह अकेलेपन को प्राप्त होता है। अकेलेपन को प्राप्त हुआ जीव एकत्व के आलंबन का अभ्यास करता हुआ कोलाहल पूर्ण शब्दों से मुक्त, वाचिक-कलह से मुक्त, झगड़े से मुक्त, कषाय से मुक्त, तू-तू से मुक्त, संयम-बहुल, संवर-बहुल और समाधिस्थ हो जाता है।

४१. भत्तपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

भत्तपच्चक्खाणेणं अणेगाइं भवसयाइं निरुंभइ।।

भंते! भक्त-प्रत्याख्यान (अनशन) से जीव क्या प्राप्त करता है?

भक्त-प्रत्याख्यान से५२ वह अनेक सैकड़ों जन्म-मरणों का निरोध करता है।

४२. सब्भावपच्चक्खाणेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सब्भावपच्चक्खाणेणं अनियट्टिं जणयइ। अनियट्टिपडिवन्ने य अणगारे चत्तारि केवलिकम्मंसे खवेइ, तं जहा—वेयणिज्जं आउयं नामं गोयं। तओ पच्छा सिज्झइ बुज्झइ मुच्चइ परिनिव्वाएइ सव्वदुक्खाणमंतं करेइ।।

भंते! सद्भाव-प्रत्याख्यान (पूर्ण संवर रूप शैलेशी) से जीव क्या प्राप्त करता है?

सद्भाव-प्रत्याख्यान से५३ वह अनिवृत्ति—शुक्लध्यान को प्राप्त करता है। अनिवृत्ति को प्राप्त हुआ अनगार केवलि-सत्क (केवली के विद्यमान) चार कर्मों, जैसे—वेदनीय, आयुष्य, नाम और गोत्र को क्षीण कर देता है। उसके पश्‍चात् वह सिद्ध होता है, प्रशान्त होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वृत होता है और सब दु:खों का अंत करता है।

४३. पडिरूवयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

पडिरूवयाए णं लाघवियं जणयइ। लहुभूए णं जीवे अप्पमत्ते पागडलिंगे पसत्थलिंगे विसुद्धसम्मत्ते सत्तसमिइसमत्ते सव्वपाणभूयजीवसत्तेसु वीस-सणिज्जरूवे अप्पडिलेहे जिइंदिए विउलतवसमिइसमन्नागए यावि भवइ।।

भंते! प्रतिरूपता (जिनकल्पिक जैसे आचार का पालन करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रतिरूपता से वह हल्केपन को प्राप्त होता है। उपकरणों के अल्पीकरण से हल्का बना हुआ जीव अप्रमत्त, प्रकटलिंग वाला, प्रशस्तलिंग वाला, विशुद्ध सम्यक्त्व वाला, पराक्रम और समिति से परिपूर्ण, सर्व प्राण, भूत, जीव और सत्त्वों के लिए विश्‍वसनीय रूप वाला, अप्रतिलेखन वाला, जितेन्द्रिय तथा विपुल तप और समितियों का सर्वत्र प्रयोग करने वाला होता है।५४

४४. वेयावच्चेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

वेयावच्चेणं तित्थयरनामगोत्तं कम्मं निबंधइ।।

भंते! वैयावृत्य (साधु-संघ की सेवा करने) से जीव क्या प्राप्त करता है?

वैयावृत्य से वह तीर्थङ्कर-नाम-गोत्र कर्म का अर्जन करता है।५५

४५. सव्वगुणसंपन्नयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

सव्वगुणसंपन्नयाए णं अपुणरावत्तिं जणयइ। अपुणरावत्तिं पत्तए य णं जीवे सारीरमाणसाणं दुक्खाणं नो भागी भवइ।।

भंते! सर्व-गुण-सम्पन्नता से जीव क्या प्राप्त करता है?

सर्व-गुण सम्पन्नता से५६ वह अपुनरावृत्ति (मुक्ति) को प्राप्त होता है। अपुनरावृत्ति को प्राप्त करने वाला जीव शारीरिक और मानसिक दु:खों का भागी नहीं होता।

४६. वीयरागयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

वीयरागयाए णं नेहाणुबंधणाणि तण्हाणुबंधणाणि य वोच्छिंदइ मणुण्णेसु सद्दफरिसरसरूवगंधेसु चेव विरज्जइ।।

भंते! वीतरागता से जीव क्या प्राप्त करता है?

वीतरागता से वह स्‍नेह के अनुबन्धनों और तृष्णा के अनुबन्धनों का विच्छेद करता है तथा मनोज्ञ शब्द, स्पर्श, रस, रूप और गंध से विरक्त हो जाता है।५७

४७. खंतीए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

खंतीए णं परीसहे जिणइ।।

भंते! क्षांति (सहिष्णुता) से जीव क्या प्राप्त करता है?

क्षांति से५८वह परीषहों पर विजय प्राप्त कर लेता है।

४८. मुत्तीए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

मुत्तीए णं अकिंचणं जणयइ। अकिंचणे य जीवे अत्थलोलाणं अपत्थणिज्जो भवइ।।

भंते! मुक्ति (निर्लोभलता) से जीव क्या प्राप्त करता है?

मुक्ति से वह अकिंचनता५९को प्राप्त होता है। अकिंचन जीव अर्थ-लोलुप पुरुषों के द्वारा अप्रार्थनीय होता है—उसके पास कोई याचना नहीं करता।

४९. अज्जवयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

अज्जवयाए णं काउज्जुययं भावुज्जुययं भासुज्जुययं अविसंवायणं जणयइ। अविसंवायणसंपन्नयाए णं जीवे धम्मस्स आराहए भवइ।।

भंते! ऋजुता से जीव क्या प्राप्त करता है?

ऋजुता से वह काया की सरलता, भाव की सरलता, भाषा की सरलता और कथनी करनी की समानता को प्राप्त होता है। कथनी करनी की समानता से सम्पन्न जीव धर्म का आराधक होता है।६०

५०. मद्दवयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

मद्दवयाए णं अणुस्सियत्तं जणयइ। अणुस्सियत्ते णं जीवे मिउमद्दवसंपन्ने अट्ठ मयट्ठाणाइं निट्ठवेइ।।

भंते! मृदुता से जीव क्या प्राप्त करता है?

मृदुता से वह अनुद्धत मनोभाव को प्राप्त करता है। अनुद्धत मनोभाव वाला जीव मृदु-मार्दव से६१ सम्पन्न होकर मद के आठ स्थानों का विनाश कर देता है।६२

५१. भावसच्चेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

भावसच्चेणं भावविसोहिं जणयइ। भावविसोहीए वट्टमाणे जीवे अरहंतपण्णत्तस्स धम्मस्स आराहणयाए अब्भुट्ठेइ, अब्भुट्ठित्ता परलोगधम्मस्स आराहए हवइ।।

भंते! भाव-सत्य (अन्तर्-आत्मा की सचाई) से जीव क्या प्राप्त करता है?

भाव-सत्य से वह भाव की विशुद्धि को प्राप्त होता है। भाव-विशुद्धि में वर्तमान जीव अर्हत्-प्रज्ञप्त धर्म की आराधना के लिए तत्पर होता है, आराधना में तत्पर होकर वह परलोक-धर्म का आराधक होता है।

५२. करणसच्चेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

करणसच्चेणं करणसत्तिं जणयइ। करणसच्चे वट्टमाणे जीवे जहावाई तहाकारी यावि भवइ।।

भंते! करण-सत्य (कार्य की सचाई) से जीव क्या प्राप्त करता है?

करण-सत्य से वह करण-शक्ति (अपूर्व कार्य करने के सामर्थ्य) को प्राप्त होता है। करण-सत्य में वर्तमान जीव जैसा कहता है वैसा करता है।

५३. जोगसच्चेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

जोगसच्चेणं जोगं विसोहेइ।।

भंते! योग-सत्य (मन, वाणी और काया की सचाई) से जीव क्या प्राप्त करता है?

योग-सत्य से वह मन, वाणी और काया की प्रवृत्ति को विशुद्ध करता है।६३

५४. मणगुत्तयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

मणगुत्तयाए णं जीवे एगग्गं जणयइ। एगग्गचित्ते णं जीवे मणगुत्ते संजमाराहए भवइ।।

भंते! मनोगुप्तता से जीव क्या प्राप्त करता है?

मनो-गुप्तता से वह एकाग्रता को प्राप्त होता है। एकाग्र-चित्त वाला जीव अशुभ संकल्पों से मन की रक्षा करने वाला और संयम की आराधना करने वाला होता है।

५५. वइगुत्तयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

वइगुत्तयाए णं निव्वियारं जणयइ। निव्वियारेणं जीवे वइगुत्ते अज्झप्पजोगज्झाणगुत्ते यावि भवइ।।

भंते! वाग्-गुप्तता से जीव क्या प्राप्त करता है?

वाग्-गुप्तता से वह निर्विचार भाव को प्राप्त होता है। निर्विचार जीव सर्वथा वाग्-गुप्त और अध्यात्म-योग के साधन—चित्त की एकाग्रता आदि से युक्त हो जाता है।

५६. कायगुत्तयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

कायगुत्तयाए णं संवरं जणयइ। संवरेणं कायगुत्ते पुणो पावासवनिरोहं करेइ।।

भंते! काय-गुप्तता से जीव क्या प्राप्त करता है?

काय-गुप्तता से वह संवर (अशुभ प्रवृत्ति के निरोध) को प्राप्त होता है। संवर के द्वारा कायिक स्थिरता को प्राप्त करने वाला जीव फिर पाप-कर्म के उपादान-हेतुओं (आश्रवों) का निरोध कर देता है।६४

५७. मणसमाहारणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

मणसमाहारणयाए णं एगग्गं जणयइ, जणइत्ता नाण-पज्जवे जणयइ, जणइत्ता सम्मत्तं विसोहेइ मिच्छत्तं च निज्जरेइ।।

भंते! मन-समाधारणा—मन को आगम-कथित भावों में भली-भांति लगाने से जीव क्या प्राप्त करता है?

मन-समाधारणा से वह एकाग्रता को प्राप्त होता है। एकाग्रता को प्राप्त होकर ज्ञान-पर्यवों—ज्ञान के विविध आयामों को प्राप्त होता है। ज्ञान-पर्यवों को प्राप्त कर सम्यक्-दर्शन को विशुद्ध और मिथ्यात्व को क्षीण करता है।

५८. वइसमाहारणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

वइसमाहारणयाए णं वइसाहारणदंसणपज्जवे विसोहेइ, विसोहेत्ता सुलहबोहियत्तं निव्वत्तेइ दुल्लहबोहियत्तं निज्जरेइ।।

भंते! वाक्-समाधारणा—वाणी को स्वाध्याय में भलीभांति लगाने से जीव क्या प्राप्त करता है?

वाक्-समाधारणा से वह वाणी के विषय-भूत दर्शन-पर्यवों—सम्यक्-दर्शन के विविध आयामों को विशुद्ध करता है। वाणी के विषयभूत दर्शन-पर्यवों को विशुद्ध कर बोधि की सुलभता को प्राप्त होता है और बोधि की दुर्लभता को क्षीण करता है।६५

५९. कायसमाहारणयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

कायसमाहारणयाए णं चरित्तपज्जवे विसोहेइ, विसोहेत्ता अहक्खायचरित्तं विसोहेइ, विसोहेत्ता चत्तारि केवलिकम्मंसे खवेइ। तओ पच्छा सिज्झइ बुज्झइ मुच्चइ परिनिव्वाएइ सव्वदुक्खाणमंतं करेइ।।

भंते! काय-समाधारणा—संयम-योगों में काय को भलीभांति लगाने से जीव क्या प्राप्त करता है?

काय-समाधारणा से वह चरित्र-पर्यवों—चरित्र के विविध आयामों को विशुद्ध करता है। चरित्र-पर्यवों को विशुद्ध कर यथाख्यात चरित्र (वीतरागभाव) को प्राप्त करने योग्य विशुद्धि करता है। यथाख्यात चरित्र को विशुद्ध कर केवलि-सत्क (केवली के विद्यमान) चार कर्मों—वेदनीय, आयुष्य, नाम और गोत्र को क्षीण करता है। उसके पश्‍चात् सिद्ध होता है, प्रशांत होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वृत्त होता है और सब दु:खों का अन्त करता है।६६

६०. नाणसंपन्नयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

नाणसंपन्नयाए णं जीवे सव्वभावाहिगमं जणयइ। नाणसंपन्ने णं जीवे चाउरंते संसारकंतारे न विणस्सइ।

जहा सूई ससुत्ता, पडिया वि न विणस्सइ।

तहा जीवे ससुत्ते, संसारे न विणस्सइ।।

नाणविणयतवचरित्तजोगे संपाउणइ, ससमय-परसमय-संघायणिज्जे भवइ।।

भंते! ज्ञान-सम्पन्नता (श्रुत ज्ञान की सम्पन्नता) से जीव क्या प्राप्त करता है?

ज्ञान-सम्पन्नता से वह सब पदार्थों को जान लेता है। ज्ञान-सम्पन्न जीव चार गति-रूप चार अन्तों वाली संसार-अटवी में विनष्ट नहीं होता।

जिस प्रकार ससूत्र (धागे में पिरोई हुई) सुई गिरने पर भी गुम नहीं होती, उसी प्रकार ससूत्र (श्रुत सहित) जीव संसार में रहने पर भी विनष्ट नहीं होता।

(ज्ञान-सम्पन्न) अवधि आदि विशिष्ट ज्ञान, विनय, तप और चारित्र के योगों को प्राप्त करता है तथा स्वसमय और परसमय की व्याख्या या तुलना के लिए प्रामाणिक पुरुष माना जाता है।

६१. दंसणसंपन्नयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

दंसणसंपन्नयाए णं भवमिच्छत्तछेयणं करेइ, परं न विज्झायइ। अणुत्तरेणं नाणदंसणेणं अप्पाणं संजोएमाणे सम्मं भावेमाणे विहरइ।।

भंते! दर्शन-सम्पन्नता (सम्यक्-दर्शन की सम्प्राप्ति) से जीव क्या प्राप्त करता है?

दर्शन-सम्पन्नता से वह संसार-पर्यटन के हेतु-भूत मिथ्यात्व का उच्छेद करता है—क्षायिक सम्यक्-दर्शन को प्राप्त होता है। उससे आगे उसकी प्रकाश-शिखा बुझती नहीं। वह अनुत्तर ज्ञान और दर्शन से अपने आपको संयोजित करता हुआ, उन्हें सम्यक् प्रकार से आत्मसात् करता हुआ विहरण करता है।

६२. चरित्तसंपन्नयाए णं भंते! जीवे किं जणयइ?

चरित्तसंपन्नयाए णं सेलेसीभावं जणयइ। सेलेसिं पडिवन्ने य अणगारे चत्तारि केवलिकम्मंसे खवेइ। तओ पच्छा सिज्झइ बुज्झइ मुच्चइ परिनिव्वाएइ सव्वदुक्खाणमंतं करेइ।।

भंते! चारित्र-सम्पन्नता से जीव क्या प्राप्त करता है?

चारित्र-सम्पन्नता से वह शैलेशी-भाव को प्राप्त होता है। शैलेशी-दशा को प्राप्त करने वाला अनगार चार केवलि-सत्क कर्मों को क्षीण करता है। उसके पश्‍चात् वह सिद्ध होता है, प्रशांत होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वृत होता है और सब दु:खों का अंत करता है।६७

६३. सोइंदियनिग्गहेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

सोइंदियनिग्गहेणं मणुण्णामणुण्णेसु सद्देसु रागदोसनिग्गहं जणयइ, तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! श्रोत्रेन्द्रिय का निग्रह करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

श्रोत्रेन्द्रिय के निग्रह से वह मनोज्ञ और अमनोज्ञ शब्दों में होने वाले राग और द्वेष का निग्रह करता है। वह शब्द सम्बन्धी राग-द्वेष के निमित्त से होने वाला कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।६८

६४. चक्खिंदियनिग्गहेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

चक्खिंदियनिग्गहेणं मणु-ण्णामणुण्णेसु रूवेसु रागदोसनिग्गहं जणयइ, तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! चक्षु-इन्द्रिय का निग्रह करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

चक्षु-इन्द्रिय के निग्रह से वह मनोज्ञ और अमनोज्ञ रूपों में होने वाले राग और द्वेष का निग्रह करता है। वह रूप सम्बन्धी राग-द्वेष के निमित्त से होने वाला कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

६५. घाणिंदियनिग्गहेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

घाणिंदियनिग्गहेणं मणु-ण्णामणुण्णेसु गंधेसु रागदोसनिग्गहं जणयइ, तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! घ्राण-इन्द्रिय का निग्रह करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

घ्राण-इन्द्रिय के निग्रह से वह मनोज्ञ और अमनोज्ञ गन्धों में होने वाले राग और द्वेष का निग्रह करता है। वह गन्ध सम्बन्धी राग-द्वेष के निमित्त से होने वाला कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

६६. जिब्भिंदियनिग्गहेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

जिब्भिंदियनिग्गहेणं मणुण्णाम-णुण्णेसु रसेसु रागदोसनिग्गहं जणयइ, तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! जिह्वा-इन्द्रिय का निग्रह करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

जिह्वा-इन्द्रिय के निग्रह से वह मनोज्ञ और अमनोज्ञ रसों में होने वाले राग और द्वेष का निग्रह करता है। वह रस सम्बन्धी राग-द्वेष के निमित्त से होने वाला कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

६७. फासिंदियनिग्गहेणं भंते! जीवे किं जणयइ?

फासिंदियनिग्गहेणं मणु-ण्णामणुण्णेसु फासेसु रागदोसनिग्गहं जणयइ, तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! स्पर्श-इन्द्रिय का निग्रह करने से जीव क्या प्राप्त करता है?

स्पर्श-इन्द्रिय के निग्रह से वह मनोज्ञ और अमनोज्ञ स्पर्शों में होने वाले राग और द्वेष का निग्रह करता है। वह स्पर्श सम्बन्धी राग-द्वेष के निमित्त से होने वाला कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।६९

६८. कोहविजएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

कोहविजएणं खंतिं जणयइ, कोहवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! क्रोध-विजय से जीव क्या प्राप्त करता है?

क्रोध-विजय से वह क्षमा को उत्पन्न करता है। वह क्रोध-वेदनीय कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

६९. माणविजएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

माणविजएणं मद्दवं जणयइ, माणवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! मान-विजय से जीव क्या प्राप्त करता है?

मान-विजय से वह मृदुता को उत्पन्न करता है। वह मान-वेदनीय कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

७०. मायाविजएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

मायाविजएणं उज्जुभावं जणयइ, मायावेयणिज्जं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! माया-विजय से जीव क्या प्राप्त करता है?

माया-विजय से वह ऋजुता को उत्पन्न करता है। वह माया-वेदनीय कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

७१. लोभविजएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

लोभविजएणं संतोसीभावं जणयइ, लोभवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ, पुव्वबद्धं च निज्जरेइ।।

भंते! लोभ-विजय से जीव क्या प्राप्त करता है?

लोभ-विजय से वह संतोष को उत्पन्न करता है। वह लोभ-वेदनीय कर्म-बन्धन नहीं करता और पूर्व-बद्ध तन्निमित्तक कर्म को क्षीण करता है।

७२. पेज्जदोसमिच्छादंसणविजएणं भंते! जीवे किं जणयइ?

पेज्जदोसमिच्छादंसणविजएणं नाणदंसण-चरित्ताराहणयाए अब्भुट्ठेइ। अट्ठविहस्स कम्मस्स कम्मगंठिविमोयणयाए तप्पढमयाए जहाणुपुव्विं अट्ठवीसइविहं मोहणिज्जं कम्मं उग्घाएइ, पंचविहं नाणावरणिज्जं नवविहं दंसणावरणिज्जं पंचविहं अंतरायं एए तिन्नि वि कम्मंसे जुगवं खवेइ। तओ पच्छा अणुत्तरं अणंतं कसिणं पडिपुण्णं निरावरणं वितिमिरं विसुद्धं लोगालोगप्पभावगं केवलवरनाणदंसणं समुप्पाडेइ। जाव सजोगी भवइ ताव य इरियावहियं कम्मं बंधइ सुहफरिसं दुसमयठिइयं। तं पढमसमए बद्धं बिइयसमए वेइयं तइयसमए निज्जिण्णं तं बद्धं पुट्ठं उदीरियं वेइयं निज्जिण्णं सेयाले य अकम्मं चावि भवइ।।

भंते! प्रेम, द्वेष और मिथ्या-दर्शन के विजय से जीव क्या प्राप्त करता है?

प्रेम, द्वेष और मिथ्या-दर्शन के विजय से वह ज्ञान, दर्शन और चारित्र की आराधना के लिए उद्यत होता है। आठ कर्मों में जो कर्म ग्रंथि है, उसे खोलने के लिए वह उद्यत होता है। वह जिसे पहले कभी भी पूर्णत: क्षीण नहीं कर पाया उस अट्ठाईस प्रकार वाले मोहनीय कर्म को क्रमश: सर्वथा क्षीण करता है, फिर वह पांच प्रकार वाले ज्ञानावरणीय, नौ प्रकार वाले दर्शनावरणीय और पांच प्रकार वाले अंतराय—इन तीनों विद्यमान कर्मों को एक साथ क्षीण करता है। उसके पश्‍चात् वह अनुत्तर, अनंत, कृत्स्‍न, प्रतिपूर्ण, निरावरण, तिमिर रहित, विशुद्ध, लोक और अलोक को प्रकाशित करने वाले केवल ज्ञान और केवल दर्शन को उत्पन्न करता है। जब तक वह सयोगी होता है तब तक उसके ईर्या-पथिक-कर्म का बंध होता है। वह बंध सुख-स्पर्श (पुण्यमय) होता है। उसकी स्थिति दो समय की होती है। वह प्रथम समय में बंधता है, दूसरे समय में उसका वेदन होता है और तीसरे समय में वह निर्जीर्ण हो जाता है। वह कर्म बद्ध होता है, स्पृष्ट होता है, उदय में आता है, भोगा जाता है, नष्ट हो जाता है और अंत में अकर्म भी हो जाता है।७०

७३. अहाउयं पालइत्ता अंतोमुहुत्तद्धावसेसाउए जोगनिरोहं करेमाणे सुहुमकिरियं अप्पडिवाइ सुक्कज्झाणं झायमाणे तप्पढमयाए मणजोगं निरुंभइ, निरुंभित्ता वइजोगं निरुंभइ, निरुंभित्ता आणापाणनिरोहं करेइ, करेत्ता ईसि पंचरहस्सक्खरुच्चारद्धाए य णं अणगारे समुच्छिन्नकिरियं अनियट्टिसुक्कज्झाणं झियायमाणे वेयणिज्जं आउयं नामं गोत्तं च एए चत्तारि वि कम्मंसे जुगवं खवेइ।।

केवली होने के पश्‍चात् वह शेष आयुष्य७१ का निर्वाह करता है। जब अंतर्-मुहूर्त्त परिमाण आयु शेष रहती है, तब वह योग-निरोध करने में प्रवृत्त होता है। उस समय सूक्ष्म-क्रिया अप्रतिपाति नामक शुक्ल ध्यान में लीन बना हुआ वह सबसे पहले मनोयोग का निरोध करता है, फिर वचन-योग का निरोध करता है, उसके पश्‍चात् आनापान (उच्छ्वास- निश्‍वास) का निरोध करता है। उसके पश्‍चात् स्वल्पकाल तक—पांच ह्रस्वाक्षरों अ इ उ ऋ का उच्चारण किया जाए उतने काल तक—समुच्छिन्नक्रिया अनिवृत्ति नामक शुक्ल ध्यान में लीन बना हुआ अनगार वेदनीय, आयुष्य, नाम और गोत्र—इन चारों विद्यमान कर्मों को एक साथ क्षीण करता है।

७४. तओ ओरालियकम्माइं च सव्वाहिं विप्पजहणाहिं विप्पजहित्ता उज्जुसेढिपत्ते अफुसमाणगई उड्ढं एगसमएणं अविग्गहेणं तत्थ गंता सागारोवउत्ते सिज्झइ बुज्झइ मुच्चइ परिनिव्वाएइ सव्वदुक्खाणमंतं करेइ।।

उसके अनन्तर ही औदारिक और कार्मण शरीर को पूर्ण अनस्तित्व के रूप में छोड़ कर वह मोक्ष स्थान में पहुंच साकारोपयुक्त (ज्ञान-प्रवृत्तिकाल) में सिद्ध होता है, प्रशांत होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वृत होता है और सब दु:खों का अंत करता है। सिद्ध होने से पूर्व वह ऋजुश्रेणी (आकाश-प्रदेशों की सीधी पंक्ति) से गति करता है। उसकी गति अस्पृशद् तथा ऊपर की ओर होती है। वह एक समय की होती है—ऋजु होती है।

एस खलु सम्मत्तपरक्कमस्स अज्झयणस्स अट्ठे समणेणं भगवया महावीरेणं आघविए पण्णविए परूविए दंसिए उवदंसिए।।

सम्यक्त्व-पराक्रम अध्ययन का यह पूर्वोक्त अर्थ श्रमण भगवान् महावीर के द्वारा आख्यात, प्रज्ञापित, प्ररूपित, दर्शित और उपदर्शित है।७२

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन २९ : सम्यक्त्व-पराक्रम

१. (संवेगेणं.............निव्वेएणं)

सम्यग्-दर्शन के पांच लक्षणों में संवेग दूसरा और निर्वेद तीसरा है। संवेग का अर्थ है 'मोक्ष की अभिलाषा' और निर्वेद का अर्थ है 'संसार-त्याग की भावना या काम-भोगों के प्रति उदासीन-भाव।'

श्रुतसागरसूरि ने निर्वेद के तीन अर्थ किए हैं—(१) संसार-वैराग्य, (२) शरीर-वैराग्य और (३) मोक्ष-वैराग्य।

प्रस्तुत दो सूत्रों में कहा गया है कि संवेग से धर्म-श्रद्धा उत्पन्न होती है और निर्वेद से विषय-विरक्ति। इन परिणामों के अनुसार संवेग और निर्वेद की उक्त परिभाषाएं समीचीन हैं। कई आचार्य संवेग का अर्थ 'भव-वैराग्य' और निर्वेद का अर्थ 'मोक्षाभिलाषा' भी करते हैं। किन्तु इस प्रकरण से वे फलित नहीं होते।

पातंजल योगदर्शन के व्याख्याकारों ने 'संवेग' शब्द की व्याख्या अनेक प्रकार से की है। मिश्रजी के अनुसार संवेग का अर्थ 'वैराग्य' है। विज्ञानभिक्षु 'उपाय के अनुष्ठान में शीघ्रता' को संवेग कहते हैं। भोजदेव के अनुसार क्रिया का हेतुभूत संस्कार ही संवेग है

विशुद्धिमग्ग दीपिका के अनुसार जो मनोभाव उत्तम-वीर्य वाली आत्मा को वेग के साथ कुशलाभिमुख करता है, वह 'संवेग' कहलाता है। इसका अभिप्राय भी मोक्षाभिलाषा से भिन्न नहीं है।

संवेग और धर्म-श्रद्धा का कार्य-कारण भाव है। मोक्ष की अभिलाषा होती है तब धर्म में रुचि उत्पन्न होती है और जब धर्म में रुचि उत्पन्न हो जाती है तब मोक्ष की अभिलाषा विशिष्टतर हो जाती है। जब संवेग तीव्र होता है तब अनन्तानुबंधी क्रोध, मान, माया और लोभ क्षीण हो जाते हैं, दर्शन विशुद्ध हो जाता है।

जिसका दर्शन विशुद्ध हो जाता है, उसके कर्म का बन्ध नहीं होता। वह उसी जन्म में या तीसरे जन्म में अवश्य ही मुक्त हो जाता है। 'कम्मं न बंधई' इस पर शान्त्याचार्य ने लिखा है कि अशुभ-कर्म का बन्ध नहीं होता। सम्यग्-दृष्टि के अशुभ-कर्म का बंध नहीं होता, ऐसा नहीं कहा जा सकता। अशुभ-योग की प्रवृत्ति छठे गुणस्थान तक हो सकती है और कषाय जनित अशुभ-कर्म का बन्ध दसवें गुणस्थान तक होता है। इसलिए इसे इस रूप में समझना चाहिए कि जिसका दर्शन विशुद्ध हो जाता है, अनन्तानुबंधी चतुष्क सर्वथा क्षीण हो जाता है, उसके नये सिरे से मिथ्या-दर्शन के कर्म-परमाणुओं का बन्ध नहीं होता क्योंकि मिथ्यात्व की विशोधि हो जाती है, उसका क्षय हो जाता है। तात्पयार्थ में वह व्यक्ति क्षायक सम्यक्त्व प्राप्त कर लेता है। क्षायक सम्यक्त्वी दर्शन का आराधक होता है। वह उसी जन्म में या तीसरे जन्म में अवश्य ही मुक्त हो जाता है। इसका सम्बन्ध दर्शन की उत्कृष्ट आराधना से है। जघन्य और मध्यम आराधना वाले अधिक जन्मों तक संसार में रह सकते हैं। किन्तु उत्कृष्ट आराधना वाले तीसरे जन्म का अतिक्रमण नहीं करते। यह तथ्य भगवती (८।४५९) से भी समर्थित है। गौतम ने पूछा—''भगवन्! उत्कृष्ट दर्शनी कितने जन्म में सिद्ध होता है?'' भगवान् ने कहा—''गौतम! वह उसी जन्म में सिद्ध हो जाता है और यदि उस जन्म में न हो तो तीसरे जन्म में अवश्य हो जाता है।''

जैन साधाना-पद्धति का पहला सूत्र है—मिथ्यात्व-विसर्जन या दर्शन-विशुद्धि। दर्शन की विशुद्धि का हेतु संवेग है, जो नैसर्गिक भी होता है और अधिगमिक भी। साधना का दूसरा सूत्र है—प्रवृत्ति विसर्जन या आरंभ-परित्याग। उसका हेतु निर्वेद है। जब तक निर्वेद नहीं होता, तब तक विषय-विरक्ति नहीं होती और उसके बिना आरम्भ का परित्याग नहीं होता। दशवैकालिक निर्युक्ति में भिक्षु में सतरह लिंग बताए गए हैं, वहां संवेग और निर्वेद को प्रथम स्थान दिया गया है।

'यथा यथा समायाति, संवित्तौ तत्त्वमुत्तमम्।

तथा तथा न रोचन्ते, विषया: सुलभा अपि।।

यथा यथा न रोचन्ते, विषया: सुलभा आदि।

तथा तथा समायाति, संवित्तौ तत्त्वमुत्तमम्।।'

२. धर्मश्रद्धा से (धम्मसद्धाए)

निर्वेद का फल है—कामभोग अथवा इन्द्रिय-विषयों के प्रति वैराग्य। धर्मश्रद्धा का फल है—पौद्गलिक सुख के प्रति वैराग्य। इन दोनों परिभाषाओं से वैराग्य के दो अर्थ फलित होते हैं—(१) शब्द, रूप आदि के प्रति होने वाला विकर्षण, पदार्थ के प्रति अनासक्तभाव, (२) सुखात्मक संवेदन के प्रति विकर्षण। पहला वस्तुगत (ऑब्जेक्टिव) वैराग्य है और दूसरा अनुभूतिगत (सब्जेक्टिव) वैराग्य है।

३. वैषयिक सुखों की (सायासोक्खेसु)

सुख और साता—ये दो शब्द हैं। सुख शब्द व्यापक है। यह पौद्गलिक और आत्मिक—दोनों प्रकार का होता है। साता पौद्गलिक होती है।

वृत्ति में साता का अर्थ है—सातवेदनीय कर्म। उससे उत्पन्न या प्राप्त सुखों को सातासौख्य कहा गया है। तात्पर्य में यह समस्त वैषयिक सुखों का वाचक है।

४. अगारधर्म-गृहस्थी (अगारधम्मं)

इसके दो अर्थ हैं—

(१) गृहस्थ का बारह व्रत रूप धर्म—दुवालसविहे अगारधम्मे पण्णत्ते।

(२) गृहस्थ का आचार या कर्त्तव्य।

प्रस्तुत प्रसंग में दूसरा अर्थ ही संगत है।

५. गुरु का अविनय या परिवाद करने वाला नहीं होता (अणच्चासायणसीले)

आशातना का अर्थ है—अवज्ञा या अवमानना। अनत्याशातन का अर्थ है—गुरु की अवज्ञा न करने वाला, गुरु का परिवाद न करने वाला।

६. (वण्णसंजलणभत्तिबहुमाणयाए)

वर्ण, संज्वलन, भक्ति और बहुमान—ये चारों विनय-

प्रतिपत्ति के अंग हैं। वर्ण का अर्थ है 'श्‍लाघा'। कीर्ति, वर्ण, शब्द और श्‍लोक—ये चारों पर्याय-शब्द हैं। इनमें कुछ अर्थ-भेद भी है।

भक्ति का अर्थ है 'हाथ जोड़ना, गुरु के आने पर खड़ा होना, आसन देना आदि-आदि।'

बहुमान का अर्थ है 'आन्तरिक अनुराग।'

दशवैकालिक चूर्णि में भक्ति और बहुमान में जो अन्तर है, उसे एक उदाहरण द्वारा समझाया है।

७. (मणुस्सदेवदोग्गईओ.....मणुस्सदेवसोग्गईओ)

अपराधपूर्ण आचरण करने वाला व्यक्ति मनुष्य की दुर्गति का जीवन जीता है और सदाचार का पालन करने वाला व्यक्ति मनुष्य की सुगति का जीवन जीता है।

देवता की दुर्गति का अर्थ है—देवताओं में किल्विषिक आदि होना और देवता की सुगति का अर्थ है—देवलोक में इन्द्र आदि बनना।

८. सिद्धि सुगति का मार्ग (सिद्धिं सोग्गइं)

सुगति सिद्धि का विशेषण है। वृत्तिकार ने 'सिद्धिसोग्गइ' को एक पद माना है।

स्थानांग में चार सुगतियों का उल्लेख है—सिद्ध सुगति, देव सुगति, मनुष्य सुगति और सुकुल में जन्म।

९. माया, निदान और मिथ्या-दर्शन-शल्य को (मायानियाणमिच्छादंसणसल्लाणं)

जो मानसिक वृत्तियां और अध्यवसाय शल्य (अन्तर्व्रण) की तरह क्लेशकर होते हैं, उन्हें 'शल्य' कहा जाता है। वे तीन हैं—

(१) माया।

(२) निदान—तप के फल की आकांक्षा करना, भोग की प्रार्थना करना।

(३) मिथ्या-दर्शन—मिथ्या दृष्टिकोण।

ये तीनों मोक्ष-मार्ग के विघ्न और अनन्त संसार के हेतु हैं। स्थानांग (१०।७१) में कहा है—आलोचना (अपना दोष-प्रकाशन) वही व्यक्ति कर सकता है, जो मायावी नहीं होता।

१०. मोह को क्षीण करने में समर्थ परिणाम-धारा को (करणगुणसेढिं)

संक्षेप में 'करण-सेढि' का अर्थ है 'क्षपक-श्रेणि'। मोह-विलय की दो प्रक्रियाएं हैं—जिसमें मोह का उपशम होते-होते वह सर्वथा उपशान्त हो जाता है, उसे 'उपशम-श्रेणि' कहा जाता है। जिसमें मोह क्षीण होते-होते पूर्ण क्षीण हो जाता है, उसे 'क्षपक-श्रेणि' कहा जाता है। उपशम-श्रेणि से मोह का सर्वथा उद्घात नहीं होता, इसलिए यहां क्षपक-श्रेणि ही प्राप्त है। करण का अर्थ 'परिणाम' है। क्षपक-श्रेणि का प्रारम्भ आठवें गुणस्थान से होता है। वहां परिणाम-धारा वैसी शुद्ध होती है, जैसे पहले कभी नहीं होती। इसीलिए आठवें गुणस्थान को 'अपूर्व-करण' कहा जाता है। अपूर्व-करण से जो गुण-श्रेणि प्राप्त होती है, उसे 'करण-गुण-श्रेणि' कहा जाता है। यह जब प्राप्त होती है तब मोहनीय कर्म के परमाणुओं की स्थिति अल्प हो जाती है और उनका विपाक मन्द हो जाता है। इस प्रकार मोहनीय कर्म निर्वीर्य बन जाता है।

११. अनादर को (अपुरक्कारं)

यहां 'अपुरक्कार'—अपुरस्कार का अर्थ 'अनादर' या 'अवज्ञा' है। यह व्यक्ति गुणवान् है, कभी भूल नहीं करता—इस स्थिति का नाम पुरस्कार है। अपने प्रमादाचरण को दूसरों के सामने प्रस्तुत करने वाला इससे विपरीत स्थिति का प्राप्त होता है, वही अपुरस्कार है।

१२. अनन्त विकास का घात करने वाले ज्ञानावरण आदि कर्मों की परिणतियों को (अणंतघाइपज्जवे)

आत्मा के चार गुण अनन्त हैं—(१) ज्ञान, (२) दर्शन, (३) वीतराग और (४) वीर्य। इनके आवारक परमाणुओं को ज्ञानावरण और दर्शनावरण, सम्मोहक परमाणुओं को मोह तथा विघातक परमाणुओं को अन्तराय कर्म कहा जाता है। वीतरागता का बाधक है मोह और वीर्य का बाधक है अन्तराय कर्म। उनकी अनन्त-परिणतियों से आत्मा के अनन्त गुण आवृत, सम्मोहित और प्रतिहत होते हैं।

१३. (सूत्र १३)

आलोचना, निन्दा और गर्हा—ये तीनों प्रायश्‍चित्त सूत्र हैं। इनके द्वारा प्रमादजनित आचरण का विशोधन किया जाता है। आलोचना का मूल आधार है—ऋजुता। माया, निदान (पौद्गलिक सुख का संकल्प) और मिथ्यादर्शनशल्य—ये तीनों साधना के विघ्न हैं। ये साधक को मोहासक्ति की ओर ले जाते हैं। आलोचना साधक को आत्मा की ओर ले जाती है, इसलिए उससे मायात्रिक के कांटे निकल जाते हैं। निन्दा अकृत के प्रति पश्‍चात्ताप की भावना है। उससे अकरणीय के प्रति विरक्ति पैदा होती है। गर्हा से व्यक्ति के अहंकार का विलय होता है। अहंकार से ग्रस्त व्यक्ति उद्धतभाव से अनाचरण का असेवन कर लेता है। अहंकार का विलय होने पर आचरण संयत हो जाता है।

१४. सामायिक से असत्प्रवृत्ति की विरति (सामाइएणं सावज्जजोगविरइं)

सामायिक और सावद्ययोगविरति में कार्य-कारण संबंध है। सावद्ययोगविरति कारण है, सामायिक कार्य है। कार्य और कारण एक साथ कैसे हो सकते हैं, इसके समाधान में वृत्तिकार ने बतलाया है कि वृक्ष कारण है और छाया कार्य है, फिर भी दोनों एक साथ उपलब्ध होते हैं।

१५. दर्शन (दर्शनाचार) की विशुद्धि (दंसणविसोहिं)

दर्शन का अर्थ है—सम्यक्त्व। प्रस्तुत प्रकरण में दर्शन की विशुद्धि का तात्पर्य दर्शन के आचार का अनुपालन होना चाहिए। यह भक्तियोग का सूत्र है। दर्शन के आठ आचार २८।३१ में निर्दिष्ट हैं। उनका संबंध दर्शन-विशुद्धि से है। स्तुति से तीर्थंकर के प्रति अनुराग उत्पन्न होता है। उससे दर्शनाचार के प्रति आस्था सुदृढ़ बनती है।

वृत्तिकार ने विशुद्धि का अर्थ निर्मल होना किया है। स्तुति के द्वारा दर्शन के उपघाती कर्म दूर होते हैं। फलत: सम्यक्त्व निर्मल हो जाता है। क्षायोपशमिक सम्यक्त्व के लिए यह अर्थ घटित किया जा सकता है, किन्तु क्षायिक सम्यक्त्व के लिए यह अर्थ घटित नहीं होता, क्योंकि सम्यक्त्व के उपघाती कर्म पहले ही नष्ट हो जाते हैं।

१६. (वंदणएणं.....निबंधइ)

वंदना एक प्रवृत्ति है। उससे दो कार्य निष्पन्न होते हैं—नीच गोत्र का क्षय—यह निर्जरा है तथा उच्च गोत्र का बंध—यह पुण्य का बंध है। वंदना का मुख्य फल है—निर्जरा और प्रासंगिक फल है—पुण्य कर्म का बंध। इससे यह सिद्धांत फलित होता है—जहां-जहां शुभ प्रवृत्ति है वहां-वहां निर्जरा है। एक भी शुभ प्रवृत्ति ऐसी नहीं है जिससे केवल पुण्य का बंध हो और निर्जरा न हो। पुण्य का बंध निर्जरा का सहचारी कार्य है।

१७. प्रतिक्रमण से (पडिक्कमेणं)

अकलंक ने प्रतिक्रमण का अर्थ—अतीत के दोषों से निवृत्त होना किया है। हरिभद्रसूरि के अनुसार अशुभ प्रवृत्ति से फिर शुभ प्रवृत्ति में वापस आना प्रतिक्रमण है। अशुभ योग से व्रत में छिद्र उत्पन्न हो जाते हैं। प्रतिक्रमण से व्रत के छिद्र पुन: निरुद्ध हो जाते हैं। सूत्रकार ने व्रत-छिद्र के निरोध के पांच काम बतलाए हैं—

(१) आस्रव का निरोध हो जाता है।

(२) अशुभ प्रवृत्ति से होने वाले चरित्र के धब्बे समाप्त हो जाते हैं।

(३) आठ प्रवचन माताओं (पांच समितियों और तीन गुप्तियों) में जागरूकता बढ़ जााती है।

(४) संयम के प्रति एकरसता या समापत्ति सध जाती है।

(५) समाधि की उपलब्धि होती है।

१८. कायोत्सर्ग में (काउस्सग्गेणं)

सामाचारी-अध्ययन में कायोत्सर्ग को 'सर्व-दु:ख विमोचक' कहा है। शान्त्याचार्य ने कायोत्सर्ग का अर्थ—'आगमोक्त नीति के अनुसार शरीर को त्याग देना' किया है। क्रिया-विसर्जन और ममत्व-विसर्जन—ये दोनों आगमोक्त नीति के अंग है।

आवश्यक निर्युक्ति में कायोत्सर्ग के पांच काम निर्दिष्ट हैं—

(१) देह की जड़ता का विशोधन

(२) मति की जड़ता का विशोधन

(३) सुख-दु:ख की तितिक्षा

(४) अनुप्रेक्षा

(५) ध्यान।

१९. अतीत और वर्तमान के (तीयपडुप्पन्नं)

यहां अतीत और प्रत्युत्पन्न—ये दो पद हैं। प्रत्युत्पन्न का अभिप्राय वर्तमान क्षण से नहीं है। अतीत का तात्पर्यार्थ है दूर का अतीत और प्रत्युत्पन्न का अर्थ है निकटवर्ती अतीत। वर्तामन क्षण में प्रायश्‍चित्तार्ह प्रवृत्ति की विशोधि की जा रही है। इसलिए प्रत्युत्पन्न का अर्थ निकटवर्ती अतीत करना उचित है।

यहां प्रायश्‍चित्त के द्वारा प्रायश्‍चित्तार्ह प्रवृत्ति विवक्षित है।

२०. स्तव और स्तुति (थवथुइ)

सामान्यत: 'स्तुति' और 'स्तव' इन दोनों का अर्थ 'भक्ति और बहुमानपूर्ण श्रद्धाञ्जलि अर्पित करना' है। किन्तु साहित्य- शास्त्र की विशेष परम्परा के अनुसार एक, दो या तीन श्‍लोक वाली श्रद्धाञ्जलि को 'स्तुति' और तीन से अधिक श्‍लोक वाली श्रद्धाञ्जलि को 'स्तव' कहा जाता है। कुछ लोग सात श्‍लोक तक की श्रद्धाञ्जलि को भी स्तुति मानते हैं।

२१. मोक्ष-प्राप्ति (अंतकिरियं)

अन्त का तात्पर्य है—भव या कर्मों का विनाश। उसको फलित करने वाली क्रिया अन्तक्रिया कहलाती है। तात्पर्यार्थ में इसका अर्थ है—मोक्ष। अन्तक्रिया फलित होती है सूक्ष्म शरीर के छूट जाने पर।

स्थानांग में चार प्रकार की अन्तक्रिया का निर्देश प्राप्त है। उनका संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है—

१. कुछ मनुष्य अल्पकर्मों के साथ मनुष्य जीवन में आते हैं, पर दीर्घकालीन मुनि-पर्याय का पालन कर मुक्त हो जाते हैं, जैसे—चातुरंत चक्रवर्ती सम्राट् भरत। यह प्रथम प्रकार की अन्तक्रिया है।

२. कुछ मनुष्य महाकर्म के साथ मनुष्य भव में आते हैं और अल्पकालीन मुनि-पर्याय का पालन कर मुक्त हो जाते हैं, जैसे—गजसुकमाल अनगार। यह दूसरे प्रकार की अन्तक्रिया है।

३. कुछ पुरुष महाकर्म के साथ मनुष्य भव में आते हैं और दीर्घकालीन मुनि-पर्याय का पालन कर मुक्त हो जाते हैं, जैसे-चक्रवर्ती सनत्कुमार। यह तीसरे प्रकार की अन्तक्रिया है।

४. कुछ पुरुष अल्पकर्म के साथ मनुष्य भव में आते हैं और अल्पकालीन मुनि-पर्याय का पालन कर मुक्त हो जाते हैं, जैसे—भगवती मरुदेवा। यह चौथे प्रकार की अन्तक्रिया है।

इन कथाओं के लिए देखें—ठाणं ४।१ का टिप्पण।

२२. वैमानिक देवों में (कप्पविमाणो...)

वृत्तिकार ने कल्प का अर्थ—बारह देवलोक और विमान का अर्थ—ग्रैवेयक और अनुत्तरविमान—किया है।

२३. काल-प्रतिलेखना.....से (कालपडिलेहणयाए)

श्रमण की दिन-चर्या में काल-मर्यादा का बहुत बड़ा स्थान रहा है। दशवैकालिक में कहा है—'वह सब काम ठीक समय पर करें।' यही बात सूत्रकृतांग में कही गई है। व्यवहार में बताया गया है—अस्वाध्याय में स्वाध्याय न किया जाए। काल-ज्ञान के प्राचीन साधनों में 'दिक्-प्रतिलेखन' और 'नक्षत्र-अवलोकन' प्रमुख थे। मुनि स्वाध्याय से पूर्व काल की प्रतिलेखना करते थे। जिन्हें नक्षत्र-विद्या का कुशल ज्ञान होता, वे इस कार्य के लिए नियुक्त होते थे। यांत्रिक घड़ियों के अभाव में इस कार्य को बहुत महत्त्व दिया जाता था। विशेष विवरण के लिए देखिए—ओघनिर्युक्ति, गा० ६४१-६५४।

२४. मार्ग (सम्यक्त्व) (मग्गं)

शान्त्याचार्य ने मार्ग के तीन अर्थ किए हैं—(१) सम्यक्त्व, (२) सम्यक्त्व एवं ज्ञान और (३) मुक्ति-मार्ग।

मार्ग-फल का अर्थ 'ज्ञान' किया गया है। उत्तराध्ययन (२८/२) में ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप—इन चारों को 'मार्ग' कहा है। प्रायश्‍चित्त के प्रकरण में मार्ग का अर्थ सम्यक्त्व अधिक उपयुक्त है। प्रायश्‍चित्त तपस्यामय होता है, इसलिए तप उसका परिणाम नहीं हो सकता। चारित्र (आचार-शुद्धि) इसी सूत्र में आगे प्रतिपादित है। शेष ज्ञान और दर्शन (सम्यक्त्व) दो रहते हैं। उनमें दर्शन 'मार्ग' है और उसकी विशुद्धि से ज्ञान विशुद्ध होता है, इसलिए यह 'मार्ग-फल' है।

आचार्य वट्टकेर ने श्रद्धान (दर्शन) को प्रायश्‍चित्त का एक प्रकार माना है। वृत्तिकार वसुनन्दि ने उसके दो अर्थ किए हैं—(१) तत्त्वरुचि का परिणाम और (२) क्रोध आदि का परित्याग

सूत्रकार का आशय यह है कि प्रायश्‍चित्त से दर्शन की विशिष्ट विशुद्धि होती है। इसलिए ज्ञान और दर्शन को प्रायश्‍चित्त भी माना जा सकता है और परिणाम भी।

२५. (सूत्र १८)

सत्य की प्राप्ति उसी व्यक्ति को होती है, जो अभय होता है। भय के हेतु हैं—राग और द्वेष। उनसे वैर-विरोध बढ़ता है। वैर-विरोध होने पर आत्मा की सहज प्रसन्नता नष्ट हो जाती है। सब जीवों के साथ मैत्री-भाव नहीं रहता। मन भय से भर जाता है। इस प्रकार व्यक्ति सत्य से दूर हो जाता है।

जो सत्य को पाना चाहता है, उसके मन में राग-द्वेष की गांठ तीव्र नहीं होती। वह सबके साथ मैत्री-भाव रखता है। उसकी आत्मा सहज प्रसन्नता से परिपूर्ण होती है। उससे प्रमादवश कोई अनुचित व्यवहार हो जाता है तो वह तुरंत उसके लिए अनुताप प्रकट कर देता है—क्षमा मांग लेता है। जिस व्यक्ति में अपनी भूल के लिए अनुताप व्यक्त करने की क्षमता होती है, उसी में ही सहज प्रसन्नता, मैत्री और अभय—ये सभी विकसित होती हैं।

२६ (सूत्र १९)

स्वाध्याय के पांच प्रकार हैं—

(१) वाचना—अध्यापन करना।

(२) प्रतिपृच्छा—अज्ञात विषय की जानकारी या ज्ञात विषय की विशेष जानकारी के लिए प्रश्‍न करना।

(३) परिवर्तना—परिचित विषय को स्थिर रखने के लिए बार-बार दोहराना।

(४) अनुप्रेक्षा—परिचित और स्थिर विषय पर चिन्तन करना।

(५) धर्मकथा—स्थिरी—त और चिन्तित विषय का उपदेश करना।

२०वें से २४वें सूत्र तक स्वाध्याय के इन्हीं पांच प्राकरों के परिणाम बतलाए गए हैं।

२७. तीर्थ-धर्म का अवलम्बन करता है (तित्थधम्मं अवलंबइ)

शान्त्याचार्य ने तीर्थ के दो अर्थ किए हैं—गणधर और प्रवचन। भगवती में चुतर्विध संघ को 'तीर्थ' कहा गया है।

गौतम ने कहा—'भंते! तीर्थ को तीर्थ कहा जाता है या तीर्थंकर को तीर्थ कहा जाता है?'

भगवान् ने कहा—'गौतम! अर्हत् तीर्थ नही होते, वे तीर्थंकर होते हैं। चतुर्वर्ण श्रमण संघ—साधु, साध्वी, श्रावक और श्राविकाओं का संघ—तीर्थ कहलाता है।

आवश्यक निर्युक्त में प्रवचन का एक नाम तीर्थ है। इस प्रकार तीर्थ के तीन अर्थ हुए। इनके आधार पर तीर्थ धर्म के तीन अर्थ होते हैं—

(१) गणधर का धर्म—शास्त्र-परम्परा को अविच्छिन्न रखना।

(२) प्रवचन का धर्म—स्वाध्याय करना।

(३) श्रमण-संघ का धर्म।

यहां अध्यापन के प्रकरण में प्रथम अर्थ ही उपयुक्त लगता है।

तीर्थ शब्द की विशेष जानकारी के लिए देखिए— विशेषावश्यक भाष्य, गाथा १०३२-१०५१।

२८. कर्मों और संसार का अन्त करने वाला (महानिज्जरे महापज्जवसाणे)

यह वाक्यांश आत्मा की प्रकृष्ट विशुद्धि का द्योतक है। कर्मों का विपुल मात्रा में क्षीण होना महानिर्जरा है। महापर्यवसान के दो अर्थ हैं—समाधिमरण और अपुनर्मरण। जिस व्यक्ति के महानिर्जरा होती है, वह समाधिमरण को प्राप्त होता है। यदि संपूर्ण कर्मों की निर्जरा हो जाती है तो वह अपुनर्मरण को प्राप्त होता है, जन्म-मरण के चक्र से छूट जाता है।

स्थानांग सूत्र के अनेक प्रसंगों पर इसका प्रयोग प्राप्त होता है—

१. मनोरथत्रयी करने वाला श्रमण तथा श्रमणोपासक महानिर्जरा और महापर्यवसान वाला होता है।

(ठाणं ३।४९६, ४९७)।

२. अम्लानवृत्ति से सेवा करने वाला श्रमण महानिर्जरा और महापर्यवसान वाला होता है।

(ठाणं ५।४४,४५)

२९. सूत्र, अर्थ और उन दोनों से संबंधित (सुत्तत्थ तदुभयाइं)

आगम तीन प्रकार के होते हैं—सूत्रागम, अर्थागम और तदुभयागम। यह तीसरा सूत्रागम और अर्थागम का संयुक्त उच्चारण ही है। जिस आगम की रचना में सूत्र और वृत्ति—दोनों का समावेश होता है, उस आगम को तदुभयागम कहा गया है।

३०. कांक्षा मोहनीय कर्म (कंखामोहणिज्जं कम्मं)

शान्त्याचार्य ने कांक्षा मोहनीय का अर्थ 'अनाभिग्रहिक- मिथ्यात्व' किया है। अभयदेवसूरि के अनुसार इसका अर्थ है—मिथ्यात्व मोहनीय।

सत्य की व्याख्या करने वाले अनेक मतवाद है। उनके जाल में फंसकर मनुष्य मिथ्या दृष्टिकोणों की ओर झुक जाता है। इस झुकाव का मुख्य कारण कांक्षा मोहनीय कर्म होता है। विशद जानकारी के लिए देखिए—भगवती, १।११८,१७० का टिप्पण।

३१. व्यंजनलब्धि को (वंजणलद्धिं)

बृहद्वृत्ति में व्यंजनलब्धि की कोई व्याख्या नहीं है। 'वंजण-लद्धिं च'—इस 'च' कार को वहां 'पदानुसारिता-लब्धि' का सूचक बतलाया गया है। एक पद के अनुसार शेष पदों की प्राप्ति हो जाए, उस शक्ति का नाम 'पदानुसरिता-लब्धि' है।

इसी प्रकार एक व्यंजन के आधार पर शेष व्यंजनों को प्राप्त करने वाली क्षमता का नाम 'व्यंजनलब्धि' होना चाहिए।

३२. अनुप्रेक्षा (अर्थ-चिन्तन) से (अणुप्पेहाए)

अनुप्रेक्षा के अनेक अर्थ हैं—(१) तत्त्व का चिन्तन करना, (२) ज्ञात अर्थ का अभ्यास करना, (३) अर्थ का चिंतन करना, (४) वस्तु के स्वभाव का बार-बार चिंतन करना।

वृत्तिकार ने अनुप्रेक्षा का अर्थ इस प्रकार किया है— अर्थ का विस्मरण न हो इसलिए अर्थ का बार-बार चिन्तन करना।

अनुप्रेक्षा के छह लाभ निर्दिष्ट हैं—

१. कर्म के गाढ बंधन का शिथिलीकरण।

२. दीर्घकालीन स्थिति का अल्पीकरण।

३. तीव्र विपाक का मंदीकरण।

४. प्रदेश-परिमाण का अल्पीकरण।

५. आगत वेदनीय कर्म का उपचय न होना।

६. संसार का अल्पीकरण।

असातवेदनीय कर्म के बंध का कारण है—दूसरों को दु:ख देना, सताना अथवा दूसरों के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार करना। तत्त्व, पदार्थ के स्वभाव और अनित्यत्व आदि की अनुप्रेक्षा करने से करुणा की चेतना जागती है, आत्मौपम्य दृष्टि का निर्माण होता है, किसी भी प्राणी को दु:ख देने की वृत्ति समाप्त हो जाती है। इसलिए अनुप्रेक्षा करने वाले व्यक्ति के असातवेदनीय कर्म का बंध पुन:-पुन: नहीं होता।

३३. लंबे मार्ग वाले (दीहमद्धं)

यहां 'मकार' अलाक्षणिक है। मूल शब्द है—दीहद्धं-दीर्घाद्धं। इसके दो अर्थ है—दीर्घकाल तथा लंबा मार्ग।६ आगमों में 'अद्धा' शब्द के दोनों अर्थ प्राप्त है—काल और मार्ग।

३४. चार अन्तों वाली (चाउरंतं)

वृत्तिकार ने अन्त का अर्थ—अवयव किया है। संसार-रूपी अटवी के चार अवयव हैं—नरक, तिर्यञ्च, मनुष्य और देव।

३५. प्रवचन (पवयणं)

प्रवचन का अर्थ है—आगम। संघ अथवा तीर्थ आगम के आलम्बन से चलता है, इसलिए उपचार से आगम को भी प्रवचन कहा गया है।

विशेष विवरण के लिए देखें—२८।३१ का टिप्पण।

३६. (सूत्र २५)

श्रुत की आराधना के दो फल बतलाए गए हैं—अज्ञान का क्षय और संक्लेश का अभाव। व्यक्ति जब श्रुत की आराधना करता है तब उसके सारे संशय मिट जाते हैं, अज्ञान नष्ट हो जाता है। क्योंकि निरन्तर स्वाध्याय करते रहने से तथा शब्दों की मीमांसा और विमर्श करते रहने से विशिष्ट तत्त्वों की उपलब्धि होती है, जानकारियां बढ़ती हैं।

अज्ञान के कारण आग्रह और राग-द्वेष बढ़ता है। इससे चित्त संक्लिष्ट रहता है। जब व्यक्ति को तत्त्व की प्राप्ति हो जाती है, तब सारा संक्लेश मिट जाता है। वृत्तिकार ने एक प्राचीन गाथा उद्धृत की है—

जह जह सुयमो (मव) गाहइ अइसयरसपसरसंजुयमपुव्वं।

तह तह पल्हाइ मुणी णवणवसंवेगसद्धाए।।

साधक जैसे-जैसे श्रुत का अवगाहन करता है, ज्ञान की गहराइयों में जाता है वैसे-वैसे उसे अतिशय रस आता है और उसे अपूर्व आनन्द का अनुभव होता है। उसमें संवेग के नए-नए आयाम खुलते हैं और उसकी मानसिक प्रसन्नता अत्यधिक बढ़ जाती है।

३७. (सूत्र २६)

इस सूत्र में एकाग्र मन की स्थापना (मन को एक अग्र—आलम्बन पर स्थित करने) का परिणाम 'चित्त-निरोध' बतलाया गया है। तिरपनवें सूत्र में बतलाया गया है कि मन-गुप्ति से एकाग्रता प्राप्त होती है। इससे मन की तीन अवस्थाएं फलित होती हैं—(१) गुप्ति, (२) एकाग्रता और (३) निरोध।

मन को चंचल बनाने वाले हेतुओं से उसे बचाना—सुरक्षित रखना 'गुप्ति' कहलाती है। ध्येय-विषयक ज्ञान की एकतानता 'एकाग्रता' कहलाती है। मन की विकल्प-शून्यता को 'निरोध' कहा जाता है।

महर्षि पतंजलि ने चित्त के चार परिणाम बतलाए हैं— (१) व्युत्थान, (२) समाधि-प्रारम्भ, (३) एकाग्रता और (४) निरोध। यहां एकाग्रता और निरोध तुलनीय हैं।

३८. (सूत्र २७-२९)

स्थानांग में उपासना के दस फल बताए गए हैं। उनमें से संयम और अनास्रव (अनाश्रव), तप और व्यवधान तथा अक्रिया और सिद्धि का कार्य-कारण-माला के रूप में उल्लेख है। बौद्ध-दर्शन में बाईस इन्द्रियां मानी गयी हैं। उनमें श्रद्धा, वीर्य, स्मृति, समाधि और प्रज्ञा इन पांच इन्द्रियों तथा अज्ञातमाज्ञास्यामीन्द्रिय, आज्ञेन्द्रिय और अज्ञातावीन्द्रिय—इन तीन अन्तिम इन्द्रियों से विशुद्धि का लाभ होता है, इसलिए इन्हें व्यवदान का हेतु माना गया है। श्रद्धा, वीर्य, स्मृति, समाधि और प्रज्ञा के बल से क्लेश का विष्कम्भन और आर्य-मार्ग का आवहन होता है। अन्तिम तीन इन्द्रिय-अनास्रव है। निर्वाणादि के उत्तरोत्तर प्रतिलम्भ में इनका आधिपत्य है। व्यवधान का अर्थ 'कर्म-क्षय' या 'विशुद्धि' है। यहां निर्जरा के स्थान में इसका प्रयोग हुआ है।

३९. (सूत्र ३०)

उत्सुकता, निर्दयता, उद्धत मनोभाव, शोक और चारित्र-विकार—इन सबका मूल सुख की आकांक्षा है। उसे छोड़ कर कोई भी व्यक्ति अनुत्सुक, दयालु, उपशांत, अशोक और पवित्र आचरण वाला हो सकता। उत्सुकता आदि सुख की आकांक्षा के परिणाम हैं। वे कारण के रहते परित्यक्त नहीं होते। आवश्यक यह है कि कारण के त्याग का प्रयत्‍न किया जाए, परिणाम अपने आप त्यक्त हो जाएंगे।

४०. (सूत्र ३१)

संग और असंग—ये दो शब्द समाज और व्यक्ति के सूचक हैं। अध्यात्म की भाषा में समुदाय-जीवी वह होता है, जिसका मन संगसक्त (अनेकता में लिप्त) होता है और व्यक्ति-जीवी या अकेला वह होता है, जिसका मन असंग होता है—किसी भी वस्तु या व्यक्ति में लिप्त नहीं होता। इसी तथ्य के आधार पर यह कहा जा सकता है कि असंग मन वाला समुदाय में रहकर भी अकेला रहता है और संग-लिप्त मन वाला अकेले में रह कर भी समुदाय में रहता है।

कहा जाता है कि चित्त चंचल है, अनेकाग्र है। वह किसी एक अग्र (लक्ष्य) पर नहीं टिकता। किन्तु इस मान्यता में थोड़ा परिवर्तन करने की आवश्यकता है। चित्त अपने आप में चंचल या अनेकाग्र नहीं है। उसे हम अनेक विषयों में बांध देते हैं, तब वह संग-लिप्त बन जाता है और यह संग-लिप्तता ही उसकी अनेकाग्रता का मूल है। अनासक्त मन कभी चंचल नहीं होता और आसक्ति के रहते हुए कभी उसे एकाग्र नहीं किया जा सकता। निष्कर्ष की भाषा में कहा जा सकता है कि जितनी आसक्ति उतनी अनेकाग्रता, जितनी अनासक्ति उतनी एकाग्रता, पूर्ण अनासक्ति मन का अस्तित्व समाप्त।

जैन आगमों में मुनि का एक विशेषण है—अप्रतिबद्ध विहारी। मुनि की सारी जीवनचर्या अप्रतिबद्ध होती है, व्यक्ति-विशेष या स्थान-विशेष से प्रतिबद्ध नही होती। प्रस्तुत सूत्र की यही प्रतिध्वनि है। प्रतिबद्धता आसक्ति है। वह व्यक्ति को बांधती है, मन को व्यग्र बनाती है। दशवैकालिक सूत्र में कहा है—''गामे कुले वा नगरे व देसे। ममत्तभावं न कहिं चि कुज्जा।'' (चूलिका २।८)।

४१. विविक्त-शयनासन (विवित्तसयणासण)

बाह्य-तप का छठा प्रकार विविक्त-शयनासन है। तीसवें अध्ययन में बताया गया है—एकांत, आवागमन-रहित और स्त्री-पशु-वर्जित स्थान में शयनासन करने का नाम विविक्त-शयनासन है। बौद्ध-साहित्य में विविक्त-स्थान के नौ प्रकार बतलाए गए हैं—(१) अरण्य, (२) वृक्षमूल, (३) पर्वत, (४) कन्दरा, (५) गिरि-गुहा, (६) श्मशान, (७) वन-प्रस्थ, (८) अभ्यवकाश और (९) पलाल-पुज्ज।

एकांत शयनासन करने वाले का मन आत्मलीन हो जाता है, इसलिए इसे 'संलीनता' भी कहा जाता है। बौद्ध-पिटकों में एकांतवास के लिए 'प्रति-संलयन' शब्द भी प्रयुक्त होता है। औपपातिक में विविक्त शयनासन के लिए 'प्रतिसंलीनता' का प्रयोग हुआ है। इस प्रकार प्राचीन-साहित्य में एकांत स्थान या कामोत्तेजक इन्द्रिय-विषयों से वर्जित स्थान के लिए विविक्त-शयनासन-संलीनता, प्रतिसंलयन और प्रति-संलीनता—ये शब्द प्रयुक्त होते रहते हैं।

४२. पौष्टिक आहार का वर्जन करने वाला (विवित्ताहारे)

घी, दूध, मक्खन आदि विकृतियां हैं। इनसे रहित आहार विविक्त आहार है। तात्पर्यार्थ में यह पौष्टिक आहार का निषेध है।

४३. एकांत में रत (एगंतरए)

इसका अर्थ है—एकांत स्थान में रत रहने वाला। प्राचीन परम्परा के अनुसार एकांत स्थान तीन माने जाते हैं—श्मशान, वृक्षमूल और निसीहिया—निषद्या। ये स्थान ध्यान-स्वाध्याय के लिए बाधारहित होते थे। खारवेल के शिलालेख में भी 'निसीहिया' शब्द का प्रयोग है। उसने श्रमणों के लिए अनेक चैत्य और निसीहियाओं का निर्माण करवाया था।

वृत्तिकार ने 'एगंतरए' का अर्थ निश्‍चय से रत किया है। तात्पर्यार्थ में इसे संयम का वाचक माना है। यह अर्थ प्रासंगिक नहीं लगता।

४४. (सूत्र ३३)

प्रवृत्ति और निवृत्ति—ये दो सापेक्ष शब्द हैं। प्रवर्तन का अर्थ है 'करना' और निवर्तन का अर्थ है 'करने से दूर होना'। जो नहीं करता—मन, वचन और काया की प्रवृत्ति नहीं करता, वही व्यक्ति पाप-कर्म नहीं करने के लिए तत्पर होता है। जहां पाप-कर्म का कारण नहीं होता, वहां पूर्व-अर्जित कर्म स्वयं क्षीण हो जाते हैं। बन्धन आश्रव के साथ ही टिकता है। संवर होते ही वह टूट जाता है। इसीलिए पूर्ण संवर और पूर्ण निर्जरा—ये दोनों सहवर्ती होते हैं।

४५. सम्भोज-प्रत्याख्यान (मण्डली-भोजन) का त्याग (संभोगपच्चक्खाणेणं)

श्रमण-संघ में सामान्य प्रथा मण्डली-भोजन (सह-भोजन) की रही है। किन्तु साधना का अग्रिम लक्ष्य है—आत्म-निर्भरता। मुनि प्रारम्भिक दशा में सामुदायिक-जीवन में रहे और दूसरों का आलम्बन भी प्राप्त करे। फिर भी उसे इस बात की विस्मृति नहीं होनी चाहिए कि उसका अग्रिम लक्ष्य स्वावलम्बन है। स्थानांग में इस जीविका-सम्बन्धी स्वावलम्बन को 'सुख-शय्या' कहा है। उसका संकेत इस सूत्र में प्राप्त है। चार सुख-शय्याओं में यह दूसरी सुख-शय्या है। उसका स्वरूप इस प्रकार है— कोई व्यक्ति मुण्ड होकर अगार से अनगारत्व में प्रव्रजित होकर अपने लाभ से संतुष्ट होता है, दूसरे के लाभ का आस्वाद नहीं करता, स्पृहा नहीं करता, प्रार्थना नहीं करता, अभिलाषा नहीं करता; वह दूसरे के लाभ का आस्वाद नहीं करता हुआ, स्पृहा नहीं करता हुआ, प्रार्थना नहीं करता हुआ, अभिलाषा नहीं करता हुआ, मन में समता को धारण करता हुआ धर्म में स्थिर हो जाता है।

'जकार' को 'गकार' वर्णादेश होने पर सम्भोज का प्राकृत में संभोग शब्द निष्पन्न होता है।

४६. मोक्ष की सिद्धि के लिए (आययट्ठिया)

इसके संस्कृत रूप दो बनते हैं—आयतार्थिका और आत्मार्थिका। वृत्तिकार ने 'आयत' शब्द का अर्थ मोक्ष अथवा संयम किया है। आयतार्थिक का अर्थ है—मोक्षार्थी। अथवा संयमार्थी। आत्मार्थी का अर्थ है—स्वावलम्बी अथवा स्वतन्त्र।

४७. उपधि (वस्त्र आदि उपकरणों) के प्रत्याख्यान से (उवहिपचक्खाणेणं)

मुनि के लिए वस्त्र आदि उपधि रखने का विधान किया गया है। किन्तु विकास-क्रम की दृष्टि से उपधि-परित्याग को अधिक महत्त्व दिया गया है। उपधि रखने में दो बाधाओं की संभावना है—(१) परिमंथ और (२) संक्लेश। उपधि-प्रत्याख्यान से ये दोनों सम्भावनाएं समाप्त हो जाती है। परिमंथ—उपधि की प्रतिलेखना से जो स्वाध्याय-ध्यान की हानि होती है, वह उपधि के परित्याग से समाप्त हो जाती है।

संक्लेश—जो उपधि का प्रत्याख्यान करता है उसके मन में 'मेरा वस्त्र पुराना हो गया है, फट गया है, सूई मांग कर लाऊं, उसे सांधू'—ऐसा कोई संक्लेश नहीं होता। असंक्लेश का यह रूप आचारांग में प्रतिपादित है। मूलाराधना में इसे 'परिकर्म-वर्जन' कहा गया है।

४८. आहार-प्रत्याख्यान से (आहारपच्चक्खाणेणं)

आहार-प्रत्याख्यान के दो अर्थ हो सकते हैं—

(१) जीवन-पर्यन्त अनशन और (२) निश्‍चित अवधि-पर्यन्त अनशन।

शान्त्याचार्य ने आहार-प्रत्याख्यान का अर्थ 'अनेषणीय (अयोग्य) भक्त-पान का परित्याग' किया है।१ किन्तु इसके परिणामों को देखते हुए इसका अर्थ और अधिक व्यापक हो सकता है।

आहार-प्रत्याख्यान के दो परिणाम हैं—(१) जीवन की आकाङ्क्षा का विच्छेद और (२) आहार के बिना संक्लेश प्राप्त न होना—बाधा का अनुभव न करना। ये परिणाम आहार-त्याग की साधना से ही प्राप्य हैं। एषणीय आहार नहीं मिलने पर उसका जो प्रत्याख्यान किया जाता है, उसमें भी आत्मा का स्वतंत्र भाव है। किन्तु वह योग्य आहार की अप्राप्ति से होने वाला तप है। ममत्व-हानि तथा शरीर और आत्मा के भेद-ज्ञान को विकसित करने के लिए जो आहार-प्रत्याख्यान किया जाता है, वह योग्य आहार की प्राप्ति की स्थिति में किया जाने वाला तप है। उससे जीवन के प्रति निर्ममत्व और आहार के अभाव में संक्लेश रहित मनोभाव—ये दोनों सहज ही सध जाते हैं। इसलिए आहार-प्रत्याख्यान का मुख्य अर्थ 'साधना के विशेष दृष्टिकोण से तप करना' होना चाहिए।

४९. कषाय-प्रत्याख्यान से (कसायपच्चक्खाणेणं)

आत्मा विजातीय रंग में रंगी होती है। उसी का नाम 'कषाय' है। कषाय के प्रत्याख्यान का अर्थ है 'आत्मा से विजातीय रंग का धुल जाना।' आत्मा की कषाय-मुक्त स्थिति का नाम है—'वीतरागता'। कषाय और विषमता—इन्हें पर्यायवाची कहा जा सकता है। कषाय से विषमता उत्पन्न होती है, इसकी अपेक्षा यह कहना अधिक उचित है कि कषाय और विषमता दोनों एक साथ उत्पन्न होते हैं। इसी प्रकार वीतरागता और समता भी एक साथ उत्पन्न होती है। सुख-दु:ख आदि बाहरी स्थितियों में आत्मा की जो विषम अनुभूति होती है, उसका हेतु कषाय है। उसके दूर होते ही आत्मा में बाह्य-स्थिति विषमता उत्पन्न नहीं करती। इस स्थिति को 'वीतरागता' या 'आत्मा की बाह्य वातावरण से मुक्ति' कहा जा सकता है।

५०. (सूत्र ३८-३९)

इन दोनों सूत्रों में 'अयोगी-दशा' और 'मुक्त-दशा' का निरूपण है। पहले प्रवृत्ति-मुक्ति (योग-प्रत्याख्यान) होती है फिर शरीर-मुक्ति (शरीर-प्रत्याख्यान)। यहां 'योग' शब्द समाधि का वाचक नहीं किन्तु मन, वचन और काया की प्रवृत्ति का वाचक है। मुक्त होने के क्रम में पहले अयोगी-दशा प्राप्त होती है। उससे नये कर्मों का बन्ध समाप्त हो जाता है—पूर्ण संवर हो जाता है और पूर्व-संचित कर्म क्षीण हो जाते हैं। कर्म के अभाव में आत्मा शरीर-मुक्त हो जाती है और शरीर-मुक्त आत्मा में अतिशय गुणों का विकास हो जाता है। वह सर्वथा अवर्ण, अगंध, अरस और अस्पर्श हो जाती है—अरूपी सत्ता में अवस्थित हो जाती है। अगुरु-लघु, स्थिर-अवगाहना और अव्याबाध सुख (सहज सुख)—ये गुण प्रकट हो जाते हैं। अनन्त ज्ञान, अनन्त दर्शन, अनन्त शुद्धि और अनन्त वीर्य—ये पहले ही प्राप्त हो चुके होते हैं। प्रवृत्ति और शरीर के बन्धन से बन्धी हुई आत्मा इतस्तत: भ्रमण करती है। किन्तु उन बन्धनों से मुक्त होने पर वह ऊर्ध्व-लोक के अन्तिम छोर पर पहुंच कर अवस्थित हो जाती है, फिर उसके पास गति का माध्यम नहीं होता।

प्रस्तुत सूत्र (३९) में 'सिद्धाइसयगुणत्तणं' पाठ है। समवायांग (३१।१) में 'सिद्धाइगुण'—ऐसा पाठ है और उत्तराध्ययन (३१।२०) में 'सिद्धाइगुणजोगेसु'—ऐसा उल्लेख है। आदि गुण का अर्थ—मूल गुण और अतिशयगुण का अर्थ—विशिष्ट गुण है। तात्पर्यार्थ में दोनों निकट आ जाते हैं।

५१. सहाय-प्रत्याख्यान से (सहायपच्चक्खाणेणं)

जो साधु 'गण' या 'संघ' में दीक्षित होते हैं, उनके लिए दूसरे साधुओं से सहयोग लेना वर्जित नहीं है। सहाय-प्रत्याख्यान का जो विधान है, वह एक विशेष साधना है। उसे स्वीकार करने के पीछे दो प्रकार का मानस हो सकता है। एक वह जो अपने पराक्रम से ही अपनी जीवन-चर्या का निर्वाह करना चाहता है, दूसरे सहायक का सहारा लेना नहीं चाहता—परावलम्बी होना नहीं चाहता। दूसरा वह जो सामुदायिक जीवन के झंझावातों में अपनी समाधि को सुरक्षित नहीं पाता। सामुदायिक जीवन में कलह, क्रोध आदि कषाय और तुमंतुम! थोड़ा-सा अपराध होने पर 'तूने पहले भी ऐसा किया था, तू सदा ऐसा ही करता है', इस प्रकार बार-बार टोकना—ये हो जाते हैं। साधु को ऐसा नहीं करना चाहिए, फिर भी प्रमादवश वह ऐसा कर लेता है। इस स्थिति में मानसिक असमाधि उत्पन्न हो जाती है। जो मुनि संघ में रहते हुए भी स्वावलम्बी हो जाता है, किसी भी कार्य के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं होता, वह समुदाय में रहते हुए भी अकेले का जीवन जीता है। उसे कलह, क्रोध आदि कषाय और तुमंतुम आदि से सहज ही मुक्ति मिल जाती है। इससे संयम और संवर बढ़ता जाता है। मानसिक समाधि अभंग हो जाती है। सामुदायिक जीवन में रहते हुए भी अकेला रहने की साधना बहुत बड़ी साधना है।

५२. भक्त प्रत्याख्यान से (भत्तपच्चक्खाणेणं)

भक्त प्रत्याख्यान आमरण-अनशन का एक प्रकार है। इसका परिणाम जन्म-परम्परा का अल्पीकरण है। इसका हेतु आहार-त्याग का दृढ़ अध्यवसाय है। देह का आधार आहार और आहार-विषयक आसक्ति है। आहार की आसक्ति और आहार—दोनों के त्याग से केवल स्थूल देह का ही नहीं, अपितु सूक्ष्म देह का भी बन्धन शिथिल हो जाता है। फलत: सहज ही जन्म-मरण की परम्परा अल्प हो जाती है।

५३. सद्भाव-प्रत्याख्यान से (सब्भावपच्चक्खाणेणं)

सद्भाव-प्रत्याख्यान का अर्थ 'परमार्थ रूप में होने वाला प्रत्याख्यान' है। इस अवस्था को पूर्ण संवर या शैलशी, जो चौदहवें गुणस्थान में अयोगी केवली के होते हैं, कहा जाता है। इससे पूर्ववर्ती सब प्रत्याख्यान इसलिए अपूर्ण होते हैं कि उनमें और प्रत्याख्यान करने की आवश्यकता शेष रहती है। इस भूमिका में परिपूर्ण प्रत्याख्यान होता है। उसमें फिर किसी प्रत्याख्यान की अपेक्षा नहीं रहती। इसीलिए इसे 'पारमार्थिक- प्रत्याख्यान' कहा गया है। इस भूमिका को प्राप्त आत्मा का फिर से आस्रव प्रवृत्ति या बन्धन की भूमिका में प्रवेश नहीं होता, इसलिए इसके परिणाम को 'अनिवृत्ति' कहा गया है। 'अनिवृत्ति' अर्थात् जिस स्थिति से निवर्तन नहीं होता—लौटना नहीं पड़ता। यह शुक्ल-ध्यान का चतुर्थ चरण है। इस अनिवृत्ति ध्यान की दशा में केवली के जो चार अघात्यकर्म विद्यमान रहते हैं, वे क्षीण हो जाते हैं—यह 'चत्तारि केवलिकम्मंसे खवेइ' का भावार्थ है। 'केवलीकम्मंसे' शब्द का प्रयोग इस सूत्र के अतिरिक्त अट्ठावनवें और इकसठवें सूत्र में भी हुआ है। 'कम्मंसे' शब्द इकहत्तरवें और बहत्तरवें सूत्र में प्रयुक्त हुआ है। 'कम्मंस' में जो 'अंस' शब्द है, उसका अर्थ कर्म-ग्रन्थ की परिभाषा के अनुसार 'सत्'—विद्यमान है।

५४. (सूत्र ४३)

शान्त्याचार्य के अनुसार 'प्रतिरूप' वह होता है, जिसका वंश स्थविर-कल्पिक मुनि के सरीखा हो और 'प्रतिरूपता' का अर्थ है 'अधिक उपकरणों का त्याग।'३ इस सूत्र में अप्रमत्त, प्रकट-लिङ्ग, प्रशस्त-लिङ्ग, विशुद्ध-सम्यक्त्व, समाप्त-सत्त्व- समिति, सर्वप्राण-भूत-जीव-सत्त्वों में विश्‍वसनीय रूप अप्रतिलेख, जितेन्द्रिय और विपुलतप: समिति-समन्वागत—ये महत्त्वपूर्ण पद हैं। बताया गया है कि प्रतिरूपता का परिणाम लाघव है। जो लघुभूत होता है, वह अप्रमत्त आदि हो जाता है। शान्त्याचार्य के अनुसार प्रत्येक शब्द का अर्थ इस प्रकार है—

अप्रमत्त—प्रमाद के हेतुओं का परिहार करने वाला।

प्रकट-लिङ्ग—स्थविर-कल्पिक मुनि के रूप में समझा जाने वाला।

प्रशस्त-लिङ्ग—जीव-रक्षा के हेतुभूत रजोहरण आदि को धारण करने वाला।

विशुद्ध-सम्यक्त्व—सम्यक्त्व की विशुद्धि करने वाला।

समाप्त-सत्त्व-समिति—सत्त्व (पराक्रम) और समिति (सम्यक् प्रवृत्ति) को प्राप्त करने वाला।

अप्रतिलेख—उपकरणों की अल्पता के कारण अल्प प्रतिलेखन वाला।

जितेन्द्रिय—इन्द्रियों को वश में रखने वाला।

विपुलतम:समिति-समन्वागत—विपुलतम और समितियों का सर्वत्र प्रयोग करने वाला।

प्रतिरूपता के परिणामों को देखते हुए 'प्रतिरूप' का अर्थ 'स्थविर-कल्पिक के सदृश वेश वाला' और 'प्रतिरूपता' का अर्थ 'अधिक उपकरणों का त्याग' सही नहीं लगता। मूलाराधना में अचेलत्व को 'जिन-प्रतिरूप' कहा है। 'जिन' अर्थात् तीर्थंकर अचेल होते हैं।

'जिन' के समान रूप (लिङ्ग) धारण करने वाले को 'जिन-प्रतिरूप' कहा जाता है। प्रवचनसारोद्धार के अनुसार गच्छ में रहते हुए भी जिन कल्पिक जैसे आचार का पालन करने वाला 'जिन-कल्पिक-प्रतिरूप' कहलाता है। यहां भी प्रतिरूप का अर्थ यही—'जिन के समान वेष वाला' यानि जिन-कल्पिक होना चाहिए। अप्रमत्त आदि सारे विश्‍लेषणों पर विचार किया जाए तो यही अर्थ संगत लगता है। मूलाराधना में अचेलकता के जो गुण बतलाए हैं वे इस सूत्र के अप्रमत्त आदि विशेषणों के बहुत निकट हैं—

उत्तराध्ययनमूलाराधना
(१) प्रतिरूपता का फल—लाघवअचेलकता का एक गुण—लाघव
(२) अप्रमत्तविषय और देह सुखों में अनादर
(३) प्रकट-लिङ्गनग्‍नता-प्राप्त
(४) प्रशस्त-लिङ्गप्रशस्त-लिङ्ग१० (अचेलकता) उसी के लिए विहित है जिसका लिंग प्रशस्त है)
(५) विशुद्ध-सम्यक्त्व रागादि दोष-परिहरण।
(६) समाप्त-सत्त्व-समितिवीर्याचार
(७) सर्वप्राण-भूत-जीव-सत्त्वों में विश्‍वसनीय रूपविश्‍वासकारी रूप
(८) अप्रतिलेखअप्रतिलेखन
(९) जितेन्द्रियसर्व-समित-करण (इन्द्रिय)
(१०) विपुलतप:समिति-समन्वागत परीषह-सहन-

उक्त तुलना से प्रतिरूपता का अर्थ 'अचेलता' ही प्रमाणित होता है। अचेल को सचेल की अपेक्षा बहुत अप्रमत्त रहना होता है। उसके पास विकार हो छिपाने का कोई साधन नहीं होता। जो अचेल होता है, उसका लिङ्ग सहज ही प्रकट होता है। अचेल उसी को होना चाहिए, जिसका लिङ्ग प्रशस्त हो—विकृत आदि न हो। अचेल व्यक्ति का सम्यक्त्व—देह और आत्मा का भेद ज्ञान—विशुद्ध होता है। समाप्त-सत्त्व-समिति—अचेल सत्त्व प्राप्त होता है अर्थात् अभय होता है। इसकी तुलना मूलाराधना (२।८३) में 'गत-भयत्व' शब्द से भी हो सकती है। समिति का अर्थ 'विविध प्रकार के आसन करने वाला' हो सकता है। अचेल की निर्विकारता प्रशस्त होती है, इसलिए वह सबका विश्‍वासपात्र होता है। अप्रतिलेखन अचेलता का सहज परिणाम है। अचेलता से जितेन्द्रिय होने की प्रबल प्रेरणा मिलती है। अचेल होना एक प्रकार का तप है। नग्‍नता, शीत, उष्ण, दंश-मशक—ये परीषह सचेल की अपेक्षा अचेल को अधिक सहने होते हैं; इसलिए उसके विपुल तप होता है। इस प्रकार सारे पदों में एक श्रृंखला है। उससे अचेलकता के साथ उनकी कड़ी जुड़ जाती है। यहां मूलाराधना (२।७७ से ८६ तक) की गाथाएं और उनकी विजयोदया वृत्ति मननीय है।

स्थानांग में पांच कारणों से अचेलक को प्रशस्त कहा है७—(१) अल्प प्रतिलेखन, (२) प्रशस्त लाघव, (३) वैश्‍वासिक रूप, (४) अनुज्ञात तप और (५) महान् इन्द्रिय-निग्रह।

ये पांचों कारण प्रतिरूपता के परिणामों में आए हुए हैं। अत: प्रतिरूपता का अर्थ 'अचेलकता' करने में बहुत बड़ा आधार प्राप्त होता है।

५५. (सूत्र ४४)

तीर्थंकर-पद-प्राप्ति के बीस हेतु बतलाए गए हैं।८ उनमें एक वैयावृत्त्य—सेवा भी है। साधु-सन्तों की सेवा करना महान् निर्जरा का हेतु है। उसके साथ पुण्य का भी प्रकृष्ट बन्ध होता है। इसीलिए उसका फल तीर्थंकर नामगोत्र का बन्ध बतलाया है।

५६. सर्वगुण-सम्पन्नता से (सव्वगुणसंपन्नायाए)

आत्म-मुक्ति के लिए ज्ञान, दर्शन और चारित्र—ये तीन गुण प्रयोजनीय होते हैं। जब तक निरावरण ज्ञान, पूर्ण दर्शन (क्षायिक सम्यक्त्व) और पूर्ण चारित्र (सर्व संवर) की प्राप्ति नहीं होती, तब तक सर्वगुण-सम्पन्नता उपलब्ध नहीं होती। इसका अभिप्राय यह है कि कोरे ज्ञान, दर्शन या चारित्र की पूर्णता से मुक्ति नहीं होती। किन्तु जब तीनों परिपूर्ण होते हैं, तभी वह होती है। पुनरावर्तन, शारीरिक और मानसिक दु:ख—ये सब गुण-विकलता के परिणाम है। सर्वगुण-सम्पन्नता होने पर ये नहीं होते।

५७. (सूत्र ४६)

'वीतराग' स्‍नेह और तृष्णा की बन्धन-परम्परा का विच्छेद कर देता है। पुत्र आदि में जो प्रीति होती है, उसे स्‍नेह और धन आदि के प्रति जो लालसा होती है, उसे 'तृष्णा' कहा जाता है। स्‍नेह और तृष्णा की परम्परा उत्तरोत्तर बढ़ती रहती है, इसलिए इसके बन्धन को अनुबन्ध कहा गया है।

वीतरागता के तीन फल निर्दिष्ट हैं—

१. स्‍नेहानुबन्ध का विच्छेद।

२. तृष्णानुबन्ध का विच्छेद और

३. मनोज्ञ शब्द आदि विषयों के प्रति विराग।

वृत्तिकार ने प्रश्‍न उपस्थित किया है—कषाय-प्रत्याख्यान से वीतरागभाव उत्पन्न होता है—यह पहले बताया जा चुका है। फिर प्रस्तुत सूत्र की पृथक् रचना क्यों? उनका अभिमत है कि तृष्णा और स्‍नेह का मूल है राग और वही समस्त अनर्थों का मूल है। उसकी ओर विशेष ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रस्तुत सूत्र की रचना की गई है।

५८. क्षांति से (खंतीए)

शान्त्याचार्य ने क्षांति का अर्थ 'क्रोध-विजय' किया है। इस अर्थ के अनुसार यहां उन्हीं परिषहों पर विजय पाने की स्थिति प्राप्त है जो क्रोध-विजय से सम्बन्धित है। क्रोधी मनुष्य गाली, वध आदि को नहीं सह सकता। क्रोध पर विजय पाने वाला उन्हें सह लेता है। क्षांति का अर्थ यदि 'सहिष्णुता' किया जाए तो परीषह-विजय का अर्थ व्यापक हो जाता है। सहिष्णुता से सभी परीषहों पर विजय पाई जा सकती है। केवल गाली और वध पर ही नहीं।

५९. अकिंचनता (अकिंचणं)

जो भावना या संकल्पपूर्वक पदार्थ समूह को त्याग देता है वह अकिंचन है। अकिंचन का एक अर्थ दरिद्र होता है, वह वहां विवक्षित नहीं है। जो त्यागपूर्वक अकिंचन बनता है, वह तीन लोक का अधिपति बनता है—

अकिंञ्चनोऽहमित्यास्व, त्रैलोक्याधिपतिर्भवे।

योगिगम्यमिदं प्रोक्तं, रहस्यं परमात्मन:।।

६०. (सूत्र ४९)

माया और असत्य तथा ऋजुता और सत्य का परस्पर गहर सम्बन्ध है। इस सूत्र में ऋजुता के चार परिणाम बतलाए गए हैं—(१) काया की ऋजुता, (२) भाव की ऋजुता (३) भाषा की ऋजुता और (४) अविसंवादन।

ऋजुता का परिणाम ऋजुता कैसे हो सकता है, सहज ही यह प्रश्‍न होता है। उसका समाधान स्थानांग के एक सूत्र में मिलता है। वहां कहा गया है—सत्य के चार प्रकार हैं— (१) काया की ऋजुता, (२) भाषा की ऋजुता, (३) भाव की ऋजुता और (४) अविसंवादन योग।

काया की ऋजुता—यथार्थ अर्थ की प्रतीति कराने वाली काया की प्रवृत्ति। वेष-परिवर्तन, अंग-विकार आदि का अकरण।

भाषा की ऋजुता—यथार्थ अर्थ की प्रतीति कराने वाली वाणी की प्रवृत्ति। उपहास आदि के निमित्त वाणी में विकार न लाना।

भाव की ऋजुता—जैसा आन्तरिक भाव हो, वैसा ही प्राकशित करना। भाव का शिाब्दक अर्थ है—होना, परिणमन होना। यहां भाव शब्द का अर्थ—चेतना का परिणाम, कर्मावृत्त चैतन्य की एक प्रकाश-रश्मि। जिसमें भाव-ऋजुता होती है उसकी वाणी और काया की प्रवृत्ति अन्तश्‍चेतना के अनुरूप होती है।

अविसंवादन योग—किसी कार्य का संकल्प कर उसे करना। दूसरों को न ठगना।

इस सूत्र के आधार पर कहा जा सकता है कि ऋजुता का परिणाम सत्य है।

६१. मृदु-मार्दव से (मिउमद्दव)

मृदु का अर्थ है—विनम्र। मार्दव का अर्थ है—विनम्र स्वभाव अथवा विनम्रतापूर्ण आचरण। जिस व्यक्ति का आचरण मृदुतापूर्ण होता है वही मृदु कहलाता है। अतिशय मृदुता को द्योतित करने के लिए 'मृदु-मार्दव' दोनों का संयुक्त प्रयोग किया गया है।

६२. (सूत्र ५०)

क्षांति, मुक्ति, आर्जव और मार्दव—ये चारों क्रमश: क्रोध, लोभ, माया और मान की विजय के परिणाम हैं। देखिए— सूत्र ६८-७१।

जिसमें मार्दव का विकास होता है, वह जाति, कुल, बल, रूप, तप, श्रुत, लाभ और ऐश्‍वर्य—इन आठ मद-हेतुओं पर विजय पा लेता है।

६३. (सूत्र ५१-५३)

भाव-सत्य का अर्थ अन्तरात्मा की सचाई है। सत्य और शुद्धि में कार्य-कारण भाव है। भाव की सचाई से भाव की विशुद्धि होती है। तिरेपनवें सूत्र में योग-सत्य का उल्लेख है। उसका एक प्रकार मन:-सत्य है। इन्द्रिय से सूक्ष्म मन और मन के सूक्ष्म भाव (आत्मा का आन्तरिक अध्यवसाय) होता है। मन के परिणाम को भी भाव कहा जाता है, किन्तु प्रकरण के अनुसार यहां इसका अर्थ अन्तर-आत्मा ही संगत है।

करण-सत्य का सम्बन्ध भी योग-सत्य से है। करने का अर्थ है मन, वचन और काया की प्रवृत्ति। फिर भी करने की विशेष स्थिति को लक्ष्य कर उसे योग-सत्य से पृथक् बतलाया गया है। करण सत्य का अर्थ है विहित को सम्यक् प्रकार से और तन्मय होकर करना। योग-सत्य का अर्थ है—मन, वचन और काया को अवितथ स्थिति में रखना।

इन तीन सूत्रों में विशेष चर्चनीय पद 'परलोगधम्मस्स आराहए' और 'करणसत्ति' हैं। परलोक-धर्म की आराधना का अर्थ यह है कि भाव-सत्य से आगामी जन्म में भी धर्म की प्राप्ति सुलभ होती है।

करण-शक्ति का अर्थ है—वैसा कार्य करने का सामर्थ्य जिसका पहले कभी अध्यवसाय या प्रयत्‍न भी न किया गया हो। करण-सत्यता और करण-शक्ति के अभाव में ही कथनी और करनी में अन्तर होता है। उन दोनों के विकसित होने पर व्यक्ति 'यथावादी तथाकारी' बन जाता है।

६४. (सूत्र ५४-५६)

इन तीन सूत्रों में गुप्ति के परिणामों का निरूपण है। गुप्तियां तीन हैं—(१) मन-गुप्ति, (२) वचन-गुप्ति और (३) काय- गुप्ति।

जो समित (सम्यक्-प्रवृत्त) होता है, वह नियमत: गुप्त होता है और जो गुप्त होता है वह समित हो भी सकता है और नहीं भी। अकुशल मन का निरोध करने वाला मनोगुप्त ही होता है और कुशल मन की प्रवृत्ति करने वाला मनोगुप्त भी होता है और समित भी। इसी प्रकार अकुशल वचन और काया का निरोध करने वाला क्रमश: वचो-गुप्त और काय-गुप्त होता है तथा कुशल वचन और काया की प्रवृत्ति करने वाला वचन-गुप्त और काय-गुप्त भी होता है और समित भी।

अकुशल मन का निरोध और कुशल मन की प्रवृत्ति का परिणाम एकाग्रता है। एकाग्रता में चित्त का निरोध नहीं होता किन्तु उसकी प्रवृत्ति अनेक आलम्बनों से हटकर एक आलम्बन पर टिक जाती है। जब एकाग्रता का अभ्यास पूर्ण परिपक्‍व हो जाता है तब चित्त का निरोध होता है। देखिए—सूत्र २६।

अकुशल वचन का निरोध और कुशल वचन की प्रवृत्ति का परिणाम निर्विकार—विकथा से मुक्त होना है। 'निव्वयार' का अर्थ यदि निर्विचार किया जाए तो वचन-गुप्ति का अर्थ मौन करना चाहिए। बोलने की इच्छा से विचार उत्तेजित होते हैं और मौन से विचार-शून्यता प्राप्त होती है और आत्म-लीनता बढ़ती है।

काय-गुप्ति का परिणाम संवर बतलाया गया है। यहां प्रकरण के अनुसार संवर का अर्थ 'अकशुल कायिक प्रवृत्ति से समुत्पन्न आस्रव का निरोध' होना चाहिए। जब अकुशल आस्रव का संवर होता है तब हिंसा आदि पापास्रव निरुद्ध होने लग जाते हैं। प्रवृत्ति का मुख्य केन्द्र काया है। इसलिए आस्रव और संवर का भी उनके साथ गहरा सम्बन्ध है।

जिनभद्रगणि के अनुसार मुख्य योग एक ही है। यह है काय-योग। वचन-योग और मनोयोग के योग्य-पुद्गलों (भाषा वर्गणा और मनोवर्गणा) का ग्रहण काय-योग से ही होता है। उसके स्थिर होने पर सहज ही संवर हो जाता है। काया की चंचलता या आस्रवाभिमुखता के बिना वचन-व्यापार और मन की चंचलता स्वयं समाप्त हो जाती है।

६५. (सूत्र ५७)

प्रस्तुत अध्ययन में मन से संबंधित तीन सूत्र हैं—एकाग्रमनसन्निवेशन का संबंध ध्यान के साथ है। एक आलंबन पर मन के सन्निवेश का परिणाम है—चित्तनिरोध। मन-गुप्ति का संबंध मन के निग्रह से है। उसका साक्षात् परिणाम है—एकाग्रता और व्यवहित परिणाम है—संयम की आराधना। मन:समाधारण का सम्बन्ध श्रुत के स्वाध्याय में मन के नियोजन से है। उसका साक्षात् परिणाम है—एकाग्रता और व्यवहित परिणाम दो हैं—

१. ज्ञान के पर्यवों—विविध आयामों का विकास।

२. सम्यक्त्व का विशोधन एवं मिथ्यात्व का निर्जरण।

६६. (सूत्र ५७-५९)

इन तीन सूत्रों में समाधारणा का निरूपण है। समाधारणा का अर्थ है—सम्यग्-व्यवस्थापन या सम्यग्-नियोजन। उसके तीन प्रकार हैं—(१) मन:समाधारणा—मन का श्रुत में व्यवस्थापन या नियोजन२, (२) वच:समाधारणा—वचन का स्वाध्याय में व्यवस्थापन या नियोजन३ और (३) काय-समाधारणा—काया का चारित्र की आराधना में व्यवस्थापन या नियोजन।

मन को ज्ञान (तत्त्वोपासना) में लीन करने से एकाग्रता उत्पन्न होती है। उससे ज्ञान पर्यव (ज्ञान के सूक्ष्म-सूक्ष्मतर रूप) उदित होते हैं। उन ज्ञान-पर्यवों के उदय से सम्यग् दृष्टिकोण प्राप्त होता है और मिथ्या दृष्टिकोण समाप्त होता है। वचन को स्वाध्याय (शब्दोपासना) में लगाने से प्रज्ञापनीय दर्शन-पर्यव विशुद्ध बनते हैं—अन्यथा निरूपण नहीं हो पाता। दर्शन की विशुद्धि ज्ञान-पर्यवों के उदय से हो जाती है। इसीलिए यहां वाक् समाधारण अर्थात् वचन के द्वारा प्रतिपादनीय-दर्शन-पर्यवों की विशुद्धि ही अभिप्रेत है। वाक्-समाधारण दर्शन-पर्यवों की विशुद्धि से सुलभ-बोधिता प्राप्त होती है और दुर्लभ-बोधिता क्षीण होती है।

काया को संयम की विविध प्रवृत्तियों (चारित्रोपासना) में लगाने से चारित्र के पर्यव विशुद्ध होते हैं। उनकी विशुद्धि होते-होते वीतराग-चारित्र प्राप्त होता है और अन्त में मुक्ति।

६७. (सूत्र ६०-६२)

पूर्ववर्ती तीन सूत्रों में ज्ञान, दर्शन और चारित्र के पर्यवों की शुद्धि को समाधारणा का परिणाम बतलाया गया है और इन तीन सूत्रों में ज्ञान, दर्शन और चारित्र सम्पन्न होने का परिणाम बतलाया गया है।

ज्ञान-सम्पन्नता—यहां ज्ञान का अर्थ 'श्रुत (शास्त्रीय) ज्ञान' है। श्रुत-ज्ञान से सब भावों का अधिगम (ज्ञान) होता है। इसका समर्थन नंदी से भी होता है।

अहिगम के संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—अभिगम और अधिगम।

'संघायणिज्जे'—जो श्रुतज्ञान-सम्पन्न होता है, उसके पास स्व-समय और पर-समय के विद्वान् व्यक्ति आते हैं और उससे प्रश्‍न पूछकर अपने संशय उच्छिन्न करते हैं। इसी दृष्टि से श्रुतज्ञानी को 'संघातनीय'—जन-मिलन का केन्द्र कहा गया है।

शैलेशी—शैलेशी शब्द शिला और शील इन दो रूपों में व्युत्पन्न होता है :

(१) 'शिला' से शैल और 'शैल+ईश' से शैलेश होता है। शैलेश अर्थात् मेरु-पर्वत। शैलेश की भांति अत्यन्त स्थिर अवस्था को शैलेशी कहा जाता है। 'सेलेसी' का एक संस्कृत रूप शैलर्षि भी किया गया है। जो ऋषि शैल की तरह सुस्थिर होता है, वह शैलेर्षि कहलाता है।

(२) शील का अर्थ समाधान है। जिस व्यक्ति को पूर्ण समाधान मिल जाता है—पूर्ण संवर की उपलब्धि हो जाती है, वह 'शील का ईश' होता है। शील+ईश=शीलेश। शीलेश की अवस्था को शैलेशी कहा जाता है।

६८. (सूत्र ६३-७१)

इन्द्रिय-निग्रह के आलापक के दो पद विशेष मननीय हैं—'तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ' तथा 'पुव्वबद्वं च निज्जरेइ'। ये पद स्वभाव-परिवर्तन के सूत्र हैं। इन्द्रियां राग-द्वेष की उत्पत्ति के हेतु हैं। राग और द्वेष मोहकर्म की प्रकृतियां हैं। श्रोत्रेन्द्रिय का असंयम मनोज्ञ शब्द के प्रति राग उत्पन्न करता है और अमनोज्ञ शब्द के प्रति द्वेष उत्पन्न करता है। इस प्रकार श्रोत्रेन्द्रिय कर्मबंध का हेतु बन जाती है। यह परम्परा निरंतर चालू रहती है। श्रोत्रेन्द्रिय का निग्रह करने पर 'तप्पच्चइयं'—श्रोत्रेन्द्रिय के निमित्त से होने वाला कर्म बंध रुक जाता है और अतीत में श्रोत्रेन्द्रिय के निमित्त से जो कर्मबन्ध हुआ है, उसकी निर्जरा हो जाती है।

प्रस्तुत आलापक में 'तप्पच्चइयं कम्मं न बंधइ' इतना पाठ है। कषाय विजय के आलापक में संबद्ध कषाय का नामोल्लेख मिलता है—'कोहवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ', 'माणवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ', 'मायावेयणिज्जं कम्मं न बंधइ', लोभवेयणिज्जं कम्मं न बंधइ'।

क्रोध-विजय से क्षान्ति उत्पन्न होती है तथा क्रोध वेदनीय कर्म का बन्ध नहीं होता और पूर्वबद्ध क्रोधवेदनीय कर्म की निर्जरा होती है।

६९. (सूत्र ६७)

इन्द्रिय चेतना मन से सर्वथा प्रतिबद्ध नहीं होती। उसकी स्वतंत्रता भी है। इसीलिए किसी व्यक्ति में संगीत सुनने की अधिक रुचि होती है, किसी में रसास्वादन की और किसी में दृश्यों को देखने की। यह रुचि की विचित्रता इन्द्रिय चेनता की स्वतंत्रता का प्रमाण है। यदि इन्द्रिय चेतना मन से सर्वथा प्रतिबद्ध होती तो वह समान रूप से कार्य करती।

७०. (सूत्र ७२)

ज्ञान, दर्शन और चारित्र की विराधना राग, द्वेष और मिथ्या-दर्शन से होती है। इन पर विजय प्राप्त करने से ज्ञान, दर्शन और चारित्र की आराधना स्वयं प्राप्त हो जाती है। जो व्यक्ति ज्ञान, दर्शन और चारित्र की आराधना करता है, वह आठ कर्मों में जो कर्म-ग्रन्थि—घाति कर्म का समुदय है, उसे तोड़ डालता है। वह सर्वप्रथम मोहनीयकर्म की अठाईस प्रकृतियों को क्षीण करता है। क्षीण करने का क्रम इस प्रकार है—वह सर्वप्रथम अनन्तानुबन्धी क्रोध, मान, माया और लोभ के बहुत भाग को अन्तर्मुहूर्त्त में एक साथ क्षीण करता है और उसके अनन्तवें भाग को मिथ्यात्व के पुद्गलों में प्रक्षिप्त कर देता है। फिर उन प्रक्षिप्त पुद्गलों के साथ मिथ्यात्व के बहुल भाग को क्षीण करता है और उसके अंश को सम्यग्-मिथ्यात्व में प्रक्षिप्त कर देता है। फिर उन प्रक्षिप्त पुद्गलों के साथ सम्यक्-मिथ्यात्व को क्षीण करता है। इसी प्रकार सम्यक्-मिथ्यात्व के अंश सहित सम्यक्त्व-मोह के पुद्गलों को क्षीण करता है। तत्पश्‍चात् सम्यक्त्व-मोह के अवशिष्ट पुद्गलों सहित अप्रत्याख्यान और प्रत्याख्यान- चतुष्क (क्रोध, मान, माया, लोभ) को क्षीण करना शुरू कर देता है। उसके क्षय-काल में वह दो गति (नरक गति और तिर्यंच गति), दो आनुपूर्वी (नरकानुपूर्वी और तिर्यंचानुपूर्वी), जाति-चतुष्क (एकेन्द्रिय, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय और चतुरिन्द्रिय) आतप, उद्योत, स्थावर नाम, सूक्ष्म नाम, साधारण, अपर्याप्त, निद्रा-निद्रा, प्रचला-प्रचला और स्त्यानर्द्धि को क्षीण करता है। फिर इनके अवशेष को नपुंसक-वेद में प्रक्षिप्त कर उसे क्षीण करता है। उसके अवशेष को स्त्री वेद में प्रक्षिप्त कर उसे क्षीण करता है। उसके अवशिष्ट अंश को हास्यादि-षट्क (हास्य, रति, अरति, भय, शोक और जुगुप्सा) में प्रक्षिप्त कर उसे क्षीण करता है। मोहनीय कर्म को क्षीण करने वाला यदि वह पुरुष होता है तो पुरुष-वेद के दो खण्डों को और स्त्री या नपुंसक होता है तो वह अपने-अपने वेद के दो-दो खण्डों को हास्यादि षट्क के अवशिष्ट अंश सहित क्षीण करता है। फिर वेद के तृतीय खण्ड सहित संज्वलन क्रोध को क्षीण करता है। इसी प्रकार पूर्वांश सहित संज्वलन मान, माया और लोभ को क्षीण करता है।

यंत्र देखिए—

क्षयअवशिष्ट अंश का प्रक्षेप
(१) अनन्तानुबन्धी चतुष्क (क्रोध, मान, माया, लोभ)मिथ्यात्व के पुद्गलों में
(२) पूर्वांश सहित मिथ्यात्वसम्यग्-मिथ्यात्व के पुद्गलों में
(३) पूर्वांश सहित सम्यग्-मिथ्यात्वसम्यक्त्व के पुद्गलों में
(४) पूर्वांश सहित सम्यक्त्वअप्रत्याख्यान-चतुष्क और प्रत्याख्यान-चतुष्क में
(५) पूर्वांश सहित अप्रत्याख्यान और प्रत्याख्यान चतुष्कनपुंसक-वेद में
(६) पूर्वांश सहित नपुंसक-वेदस्त्री वेद में
(७) पूर्वांश सहित स्त्री-वेदहास्यादि षट्क (हास्य, रति, अरति, भय, शोक, जुगुप्सा) में
(८) पूर्वांश सहित हास्यादि षट्कपुरुष-वेद के दो खण्डों में
(९) पूर्वांश सहित पुरुष-वेद के दो खण्डतृतीय खण्ड के संज्वलन क्रोध में
(१०) पूर्वांश सहित संज्वलन क्रोधसंज्वलन मान में
(११) पूर्वांश सहित संज्वलन मानसंज्वलन माया में
(१२) पूर्वांश सहित संज्वलन मायासंज्वलन लोभ में
(१३) पूर्वांश सहित संज्वलन लोभ०

संज्वलन लोभ के फिर संख्येय खण्ड किए जाते हैं। उनमें से प्रत्येक खण्ड को एक-एक अन्तर्मुहूर्त्त में क्षीण किया जाता है। उनका क्षय होते-होते उनमें से जो चरम खण्ड बचता है उसके फिर असंख्य सूक्ष्म खण्ड होते हैं। उनमें से प्रत्येक खण्ड को एक-एक समय में क्षीण किया जाता है। उनका चरम खण्ड भी फिर असंख्य सूक्ष्म खण्डों की रचना करता है। उनमें से प्रत्येक खण्ड को एक-एक समय में क्षीण किया जाता है। इस प्रकार मोहनीय कर्म सर्वथा क्षीण हो जाता है। उसके क्षीण होने पर यथाख्यात या वीतराग-चारित्र की प्राप्ति होती है। वह अन्तर्मुहूर्त्त तक रहता है। उसके अन्तिम दो समय जब शेष होते हैं, तब पहले समय में निद्रा, प्रचला, देव-गति, देव आनुपूर्वी, वैक्रिय-शरीर, वज्र-ऋषभ को छोड़कर शेष सब संहनन, संस्थान, तीर्थंकर-नाम कर्म और आहारक नामकर्म क्षीण होते हैं। चरम समय में जो क्षीण होता है वह सूत्र में प्रतिपादित है, जैसे—पंच-विध ज्ञानावरणीय, नव-विध दर्शनावरणीय और पंच-विध अन्तराय—ये सारे एक ही साथ क्षीण होते हैं। इस प्रकार चारों घाती कर्मों के क्षीण होते ही निरावरण ज्ञान— केवलज्ञान और केवलदर्शन का उदय हो जाता है।

केवली होने के पश्‍चात् भवोपग्राही (जीवन धारण के हेतुभूत) कर्म शेष रहते है, तब तक वह इस संसार में रहता है। इसकी कालमर्यादा जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: देश-ऊन (नौ वर्ष कम) करोड़ पूर्व की है। इस अवधि में केवली जब तक सयोगी (मन, वचन और काया की प्रवृत्ति युक्त) रहता है, तब तक उसके ईर्यापथिक-कर्म का बन्धन होता है। उसकी स्थिति दो समय की होती है। उसका बन्ध गाढ़ नहीं होता—निधत्त और निकाचित अवस्थाएं नहीं होतीं। इसीलिए उसे 'बद्ध और स्पृष्ट' कहा है। जिस प्रकार घड़ा आकाश से स्पृष्ट होता है, उसी प्रकार ईर्यापथिक-कर्म केवली की आत्मा में बद्ध-स्पृष्ट होता है। जिस प्रकार चिकनी भित्ति पर फेंकी हुई धूलि उससे स्पृष्ट मात्र होती है, उसी प्रकार ईर्यापथिक-कर्म केवली की आत्मा से स्पृष्ट मात्र होता है। प्रथम समय में वह बद्ध-स्पृष्ट होता है और दूसरे समय में वह उदीरित२—उदय-प्राप्त और वेदित—अनुभव प्राप्त होता है। तीसरे समय में वह निर्जीण हो जाता है और चौथे समय में वह अकर्म बन जाता है—फिर वह उस जीव के कर्म-रूप में परिणत नहीं होता।

सेयाले—यह देशी शब्द है। इसका अर्थ है—अन्त में अर्थात् भविष्य काल में अन्तिम समय—चौथे समय में।

७१. शेष आयुष्य का (अहाउयं)

यथायु: का अर्थ—पूर्ण आयुष्य-काल है। स्थानांग २।२६६, ३।१२२, ४।१३४ में इस शब्द का प्रयोग हुआ है। जिसके आयुष्य का अपवर्तन नहीं होता, उसे यथायु: कहा जाता है। प्रस्तुत प्रसंग में इसका अर्थ केवली होने के पश्‍चात् बचे आयुष्य से है।

७२. (सूत्र ७३-७४)

केवली का जीवन-काल जब अन्तर्मुहूर्त्त मात्र शेष रहता है, तब वह योग-निरोध (मन, वचन और काया की प्रवृत्ति का पूर्ण निरोध) करता है। उसकी प्रक्रिया इस प्रकार है—शुक्ल-ध्यान के तृतीय चरण 'सूक्ष्म-क्रिया-अप्रतिपाति' में वर्तता हुआ वह सर्व प्रथम मनोयोग का निरोध करता है। प्रति समय मन के पुद्गल और व्यापार का निरोध करते-करते असंख्य समयों में उसका पूर्ण निरोध कर पाता है। फिर वचनयोग का निरोध करता है। प्रति समय वचन के पुद्गल और व्यापार का निरोध करते-करते असंख्य समयों में उसका पूर्ण निरोध कर पाता है। फिर उच्छ्वास-नि:श्‍वास का निरोध करता है। प्रति समय काय-योग के पुद्गल और व्यापार का निरोध करते-करते असंख्य समयों में उसका पूर्ण (उच्छ्वास-नि:श्‍वास सहित) निरोध कर पाता है। औपपातिक में उच्छ्वास-नि:श्‍वास-निरोध के स्थान पर काय-योग के निरोध का उल्लेख है।

मुक्त होने वाला जीव शरीर की अवगाहना का तीसरा भाग जो पोला होता है, उसे पूरित कर देता है और आत्मा की शेष दो भाग जितनी अवगाहना रह जाती है। यह क्रिया काय-योग-निरोध के अन्तराल में ही निष्पन्न होती है।

योग-निरोध होते ही अयोगी या शैलेशी अवस्था प्राप्त हो जाती है। उसे 'अयोगी गुणस्थान' भी कहा जाता है। न विलम्ब से और न शीघ्रता से, किन्तु मध्यम-भाव से पांच ह्रस्व-अक्षरों (अ, इ, उ, ऋ, ) का उच्चारण करने में जितना समय लगता है, उतने समय तक अयोगी-अवस्था रहती है। उस अवस्था में शुक्ल-ध्यान का चतुर्थ चरण—'समुच्छिन्न-क्रिया-अनिवृत्ति' नामक ध्यान होता है। वहां चार अघाति या भवोपग्राही-कर्म एक साथ क्षीण हो जाते हैं। उसी समय औदारिक, तैजस और कार्मण शरीर को सर्वथा छोड़कर वह ऊर्ध्व-लोकान्त तक चला जाता है।

यहां मूलपाठ में 'ओरालिय-कम्माइं' इतना ही है। तैजस का उल्लेख नहीं है। बृहद्वृत्तिकार ने उपलक्षण से उसे स्वीकार किया है। औपाातिक में तैजस-शरीर का प्रत्यक्ष ग्रहण है।

गति दो प्रकार की होती है—(१) ऋजु और (२) वक्र। मुक्त-जीव का ऊर्ध्व-गमन ऋजु श्रेणी (ऋजु आकाश प्रदेश की पंक्ति) से होता है, इसलिए उसकी गति ऋजु होती है। वह एक क्षण में ही सम्पन्न हो जाती है।

गति के पांच भेद बतलाए गए हैं—(१) प्रयोग गति, (२) तत गति, (३) बन्धन-छेदन गति, (४) उपपात गति और (५) विहायो गति। विहायो गति १७ प्रकार की होती है। उसके प्रथम दो प्रकार हैं—(१) स्पृशद् गति और (२) अस्पृशद् गति। एक परमाणु पुद्गल दूसरे परमाणु पुद्गलों व स्कंधों का स्पर्श करते हुए गति करता है, उस गति को 'स्पृशद् गति' कहा जाता है। एक परमाणु दूसरे परमाणु पुद्गलों व स्कंधों का स्पर्श न करते हुए गति करता है, उस गति को 'अस्पृशद् गति' कहा जाता है।

मुक्त-जीव अस्पृशद् गति से ऊपर जाता है। शान्त्याचार्य के अनुसार अस्पृशद् गति का अर्थ यह नहीं है कि वह आकाश- प्रदेशों का स्पर्श नहीं करता, किन्तु उसका अर्थ यह है कि वह मुक्त-जीव जितने आकाश-प्रदेशों में अवगाढ़ होता है, उतने ही आकाश-प्रदेशों का स्पर्श करता है। उनसे अतिरिक्त प्रदेशों का नहीं, इसलिए उसे 'अस्पृशद् गति' कहा गया है।

अभयदेव सूरि के अनुसार मुक्त-जीव अन्तरालवर्ती आकाश-प्रदेशों का स्पर्श किए बिना ही ऊपर चला जाता है। यदि अन्तरालवर्ती आकाश-प्रदेशों को स्पर्श करता हुआ वह ऊपर जाए तो एक समय में वह वहां पहुंच ही नहीं सकता। इसके आधार पर अस्पृशद् गति का अर्थ होगा—'अन्तरालवर्ती आकाश-प्रदेशों का स्पर्श किए बिना मोक्ष तक पहुंचने वाला।'

आवश्यक चूर्णि के अनुसार अस्पृशद् गति का अर्थ यह होगा कि मुक्त-जीव दूसरे समय का स्पर्श नहीं करता, एक समय में ही मोक्ष स्थान तक पहुंच जाता है। किन्तु 'एग समएणं अविग्गहेणं' पाठ की उपस्थिति में यह अर्थ यहां अभिप्रेत नहीं है।

शान्त्याचार्य और अभयदेवसूरि द्वारा कृत अर्थ इस प्रकार है—(१) मुक्त-जीव स्वावगाढ़ आकाश-प्रदेशों से अतिरिक्त प्रदेशों का स्पर्श नहीं करता हुआ गति करता है और (२) अन्तरालवर्ती आकाश-प्रदेशों का स्पर्श किए बिना ही गति करता है। ये दोनों ही अर्थ घटित हो सकते हैं।

उपयोग दो प्रकार का होता है—(१) साकार और (२) अनाकार। जीव साकार-उपयोग अर्थात् ज्ञान की धारा में ही मुक्त होता है।

♦

तीसवां अध्ययन : तपो-मार्ग-गति

30

तीसवां अध्ययन : तपो-मार्ग-गति

आमुख

तपस्या मोक्ष का मार्ग है। उससे तपस्वी की मोक्ष की ओर गति होती है—यह इस अध्ययन का प्रतिपाद्य विषय है। इसलिए इस अध्ययन का नाम 'तवमग्गगई'—'तपो-मार्ग-गति' है।

प्रत्येक संसारी जीव प्रतिक्षण कुछ-न-कुछ प्रवृत्ति अवश्य करता है। जब वह अक्रिय होता है तब वह मुक्त हो जाता है। जहां प्रवृत्ति है वहां कर्म-पुद्गलों का आकर्षण और निर्जरण होता है। प्रवृत्ति दो प्रकार की होती है—शुभ और अशुभ। शुभ प्रवृत्ति से अशुभ कर्मों का निर्जरण और शुभ-कर्म (पुण्य) का बन्ध होता है। अशुभ प्रवृत्ति से अशुभ-कर्म (पाप) का बन्ध होता है।

तपस्या कर्म-निर्जरण का मुख्य साधन है। इससे आत्मा पवित्र होती है।

भारतीय साधना-पद्धति में तपस्या का प्रमुख स्थान रहा है। जैन और वैदिक मनीषियों ने उसे साधना का अपरिहार्य अंग माना है। बौद्ध तत्त्व-द्रष्टा उससे उदासीन रहे हैं।

महात्मा बुद्ध अपनी साधना के प्रथम चरण में उग्र तपस्वी थे। उन्होंने कई वर्षों तक कठोर तपस्या की थी, परन्तु जब उन्हें सफलता नहीं मिली तब उन्होंने उसे अपनी साधना में स्थान नहीं दिया।

जैन-साधना के अनुसार तपस्या का अर्थ काय-क्लेश या उपवास ही नहीं है। स्वाध्याय, ध्यान, विनय आदि सब तपस्या के विभाग हैं।

काय-क्लेश और उपवास अकरणीय नहीं हैं और उनकी सबके लिए कोई समान मर्यादा भी नहीं है। अपनी रुचि और शक्ति के अनुसार जो जितना कर सके उसके लिए उतना ही विहित है।

जैन-दृष्टि से तपस्या दो प्रकार की है—बाह्य और आभ्यंतर।

बाह्य तप के छह प्रकार हैं—

१. अनशन

२. अवमोदरिका

३. भिक्षाचर्या

४. रस-परित्याग

५. कायक्लेश

६. प्रतिसंलीनता।

इनके आचरण से देहाध्यास छूट जाता है। देहासक्ति साधना का विघ्न है। इसीलिए मनीषियों ने देह के ममत्व-त्याग का उपदेश दिया है। शरीर धर्म-साधना का साधन है इसलिए उसकी नितांत उपेक्षा भी नहीं की जा सकती। देहासक्ति विलासिता और प्रमाद को जन्म देती है। परन्तु धर्म-साधना के लिए देह की सुरक्षा करना भी नितांत अपेक्षित है। जैन मुनि का 'वोसट्ठचत्तदेहे'२—यह विशेषण देहासक्ति के त्याग का परिचायक है।

१-२ अनशन और अवमोदरिका से भूख ओर प्यास पर विजय पाने की ओर गति होती है।

३-४ भिक्षाचर्या और रस-परित्याग से आहार की लालसा सीमित होती है, जिह्ना की लोलुपता मिटती है और निद्रा, प्रमाद, उन्माद आदि को प्रोत्साहन नहीं मिलता।

५. कायक्लेश से सहिष्णुता का विकास होता है, देह में उत्पन्न दु:खों को समभाव से सहने की वृत्ति बनती है।

६. प्रतिसंलीनता से आत्मा की सन्निधि में रहने का अभ्यास बढ़ता है।

आभ्यंतर तप के छह भेद हैं—

१. प्रायश्‍चित्त

२. विनय

३. वैयावृत्त्य

४. स्वाध्याय

५. ध्यान

६. व्युत्सर्ग।

१. प्रायश्‍चित्त से अतिचार-भीरुता और साधना के प्रति जागरुकता विकसित होती है।

२. विनय से अभिमान-मुक्ति और परस्परोग्रह का विकास होता है।

३. वैयावृत्त्य से सेवाभाव पनपता है।

४. स्वाध्याय से विकथा त्यक्त हो जाती है।

५. ध्यान से एकाग्रता, एकाग्रता से मानसिक विकास एवं मन तथा इन्द्रियों पर नियंत्रण पाने की क्षमता बढ़ती है और अंत में उनका पूर्ण निरोध हो जाता है।

६. व्युत्सर्ग से शरीर, उपकरण आदि पर होने वाले ममत्व का विसर्जन होता है।

अथवा तप दो प्रकार का है—सकाम और अकाम। एकमात्र मोक्ष-साधना की दृष्टि से किया जाने वाला तप सकाम होता है और इसके अतिरिक्त अन्यान्य उपलब्धियों के लिए किया जाने वाला अकाम। जैन साधना-पद्धति में सकाम तप की उपादेयता है और उसे ही पूर्ण पवित्र माना गया है।

तप के तीन प्रकार भी किए गए हैं—कायिक, वाचिक और मानसिक। शौच, आर्जव, ब्रह्मचर्य आदि का पालन करना कायिक तप है। प्रिय, हितकर, सत्य और अनुद्विग्‍न वचन बोलना, स्वाध्याय में रत रहना वाचिक तप हैं। आत्म-निग्रह, मौन-भाव, सौम्यता आदि मानसिक तप हैं।

शिष्य ने पूछा—''भंते! तप से जीव क्या प्राप्त करता है?''

भगवान् ने कहा—''तप से वह पूर्व-संचित कर्मों का क्षय कर विशुद्धि को प्राप्त होता है। इस विशुद्धि से वह मन, वचन और शरीर की प्रवृत्ति के पूर्ण निरोध को प्राप्त होता है। अक्रियावान् होकर वह सिद्ध होता है, प्रशान्त होता है, मुक्त होता है, परिनिर्वाण को प्राप्त होता है और दु:खों का अंत करता है।''

भगवान् ने कहा—''इहलोक के निमित्त तप मत करो। परलोक के लिए तप मत करो। श्‍लाघा-प्रशंसा के लिए तप मत करो। केवल निर्जरा के लिए—आत्म-विशुद्धि के लिए तप करो।''

तपस्या के अवांतर भेदों का निरूपण आगमों तथा व्याख्या ग्रंथों में प्रचुरता से हुआ है।

तीसइमं अज्झयणं : तवमग्गगई

तीसवां अध्ययन : तपो-मार्ग-गति

मूल

१. जहा उ पावगं कम्मं, रागदोससमज्जियं।

खवेइ तवसा भिक्खू, तमेगग्गमणो सुण।।

हिन्‍दी अनुवाद

राग-द्वेष से अर्जित पाप-कर्म को भिक्षु तपस्या से जिस प्रकार क्षीण करता है, उसे एकाग्र-मन होकर सुनो।

२. पाणवहमुसावाया, अदत्तमेहुणपरिग्गहा विरओ।

राईभोयणविरओ, जीवो भवइ अणासवो।।

प्राणवध, मृषावाद, अदत्त-ग्रहण, मैथुन, परिग्रह और रात्रि-भोजन से विरत जीव अनाश्रव होता है।

३. पंचसमिओ तिगुत्तो, अकसाओ जिइंदिओ।

अगारवो य निस्सल्लो, जीवो होइ अणासवो।।

पांच समितियों से समित, तीन गुप्तियों से गुप्त, अकषाय, जितेन्द्रिय, अगौरव (गर्व रहित) और नि:शल्य जीव अनाश्रव होता है।

४. एएसिं तु विवच्चासे, रागद्दोससमज्जियं।

जहा खवयइ भिक्खू, तं मे एगमणो सुण।।

इनसे विपरीत आचरण में राग-द्वेष से जो कर्म उपार्जित होता है, उसे भिक्षु जिस प्रकार क्षीण करता है, उसे एकाग्र-मन होकर सुन।

५. जहा महातलायस्स, सन्निरुद्धे जलागमे।

उस्सिंचणाए तवणाए, कमेणं सोसणा भवे।।

जिस प्रकार कोई बड़ा तालाब जल आने के मार्ग का निरोध करने से, जल को उलीचने से, सूर्य के ताप से क्रमश: सूख जाता है—

६. एवं तु संजयस्सावि, पावकम्मनिरासवे।

भवकोडीसंचियं कम्मं, तवसा निज्जरिज्जइ।।

उसी प्रकार संयमी पुरुष के पाप-कर्म आने के मार्ग का निरोध होने से करोड़ों भवों के संचित कर्म तपस्या के द्वारा निर्जीर्ण हो जाते हैं।

७. सो तवो दुविहो वुत्तो, बाहिरब्भंतरो तहा।

बाहिरो छव्विहो वुत्तो, एवमब्भंतरो तवो।।

वह तप दो प्रकार का कहा है—बाह्य और आभ्यंतर।१बाह्य तप छह प्रकार का है, उसी प्रकार आभ्यन्तर तप भी छह प्रकार का है।

८. अणसणमूणोयरिया, भिक्खायरिया य रसपरिच्चाओ।

कायकिलेसो संलीणया य बज्झो तवो होइ।।

(१) अनशन, (२) ऊनोदरिका, (३) भिक्षाचर्या, (४) रस- परित्याग, (५) काय-क्लेश और (६) संलीनता— यह बाह्य तप है।

९. इत्तिरिया मरणकाले, दुविहा अणसणा भवे।

इत्तिरिया सावकंखा, निरवकंखा बिइज्जिया।।

अनशन दो प्रकार का होता है—इत्वरिक२ मरण-काल। इत्वरिक सावकांक्ष (अनशन के पश्‍चात् भोजन की इच्छा से युक्त) और दूसरा निरवकांक्ष (भोजन की इच्छा से मुक्त) होता है।

१०. जो सो इत्तरियतवो, सो समासेण छव्विहो।

सेढितवो पयरतवो, घणो य तह होई वग्गो य।।

जो इत्वरिक तप है, वह संक्षेप में छह प्रकार का है—(१) श्रेणि-तप, (२) प्रतर-तप, (३) घन-तप, (४) वर्ग-तप, (५) वर्ग-वर्ग-तप और (६) प्रकीर्ण-तप।

११. तत्तो य वग्गवग्गो उ, पंचमो छट्ठओ पइण्णतवो।

मणइच्छियचित्तत्थो, नायव्वो होइ इत्तरिओ।।

इत्वरिक तप नाना प्रकार के मनोवांछित फल देने वाला३ होता है।

१२. जा सा अणसणा मरणे, दुविहा सा वियाहिया।

सवियारअवियारा, कायचिट्ठं पई भवे।।

मरण-काल अनशन के काय-चेष्टा के आधार पर सविचार और अविचार—ये दो भेद होते हैं।

१३. अहवा सपरिकम्मा, अपरिकम्मा य आहिया।

नीहारिमणीहारी, आहारच्छेओ य दोसु वि।।

अथवा इसके दो भेद होते हैं—सपरिकर्म और अपरिकर्म।४ अविचार अनशन के निर्हारी और अनिर्हारी—ये दो भेद होते हैं। आहार का त्याग दोनों (सविचार और अविचार तथा सपरिकर्म और अपरिकर्म) में होता है।

१४. ओमोयरियं पंचहा, समासेण वियाहियं।

दव्वओ खेत्तकालेणं, भावेणं पज्जवेहि य।।

द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव और पर्यायों की दृष्टि से अवमौदर्य (ऊनोदरिका)५ संक्षेप में पांच का प्रकार हैं।

१५. जो जस्स उ आहारो, तत्तो ओमं तु जो करे।

जहन्नेणेगसित्थाई, एवं दव्वेण ऊ भवे।।

जिसका जितना आहार है उससे जो जघन्यत: एक सिक्थ (धान्य कण) और उत्कृष्टत: एक कवल कम खाता है, वह द्रव्य से अवमौदर्य तप होता है।

१६. गामे नगरे तह रायहाणि-निगमे य आगरे पल्ली।

खेडे कब्बडदोणमुह-पट्टणमडंबसंबाहे।।

ग्राम, नगर, राजधानी, निगम, आकर, पल्ली,६ खेड़ा, कर्वट, द्रोणमुख, पत्तन, मंडप, संबाध,।

१७. आसमपए विहारे, सन्निवेसे समायघोसे य।

थलिसेणाखंधारे, सत्थे संवट्टकोट्टे य।।

आश्रम-पद, विहार, सन्निवेश, समाज, घोष, स्थली, सेना का शिविर, सार्थ, संवर्त, कोट,।

१८. वाडेसु व रच्छासु व, घरेसु वा एवमित्तियं खेत्तं।

कप्पइ उ एवमाई, एवं खेत्तेण ऊ भवे।।

पाड़ा, गलियां, घर—इनमें अथवा इस प्रकार के अन्य क्षेत्रों में से पूर्व निश्‍चय के अनुसार निर्धारित क्षेत्र में भिक्षा के लिए जा सकता है। इस प्रकार यह क्षेत्र से अवमौदर्य तप होता है।

१९. पेडा य अद्धपेडा, गोमुत्तिपयंगवीहिया चेव।

संबुक्कावट्टाययगंतुं, पच्चागया छट्ठा।।

(प्रकारांतर से) पेटा, अर्द्ध-पेटा, गोमूत्रिका, पतंग- वीथिका, शम्बूकावर्ता और आयतं-गत्वा-प्रत्यागता—यह छह प्रकार का क्षेत्र से अवमौदर्य तप होता है।

२०. दिवसस्स पोरुसीणं, चउण्हं पि उ जत्तिओ भवे काले।

एवं चरमाणो खलु, कालोमाणं मुणेयव्वो।।

दिवस के चार प्रहरों में जितना अभिग्रह-काल हो उसमें भिक्षा के लिए जाऊंगा, अन्यथा नहीं—इस प्रकार चर्या करने वाले मुनि के काल से अवमौदर्य तप होता है।

२१. अहवा तइयाए पोरिसीए, ऊणाइ घासमेसंतो।

चउभागूणाए वा, एवं कालेण ऊ भवे।।

अथवा कुछ न्यून तीसरे प्रहर (चतुर्थ भाग आदि न्यून प्रहर) में जो भिक्षा की एषणा करता है, उसे (इस प्रकार) काल से अवमौदर्य तप होता है।

२२. इत्थी वा पुरिसो वा, अलंकिओ वाणलंकिओ वा वि।

अन्नयरवयत्थो वा, अन्नयरेणं व वत्थेणं।।

स्त्री अथवा पुरुष, अलंकृत अथवा अनलंकृत अमुक वय वाले, अमुक वस्त्र वाले,।

२३. अन्नेण विसेसेणं, वण्णेणं भावमणुमुयंते उ।

एवं चरमाणो खलु, भावोमाणं मुणेयव्वो।।

अमुक विशेष प्रकार की दशा, वर्ण या भाव से युक्त दाता से भिक्षा ग्रहण करूंगा, अन्यथा नहीं—इस प्रकार चर्या करने वाले मुनि के भाव से अवमौदर्य तप होता है।

२४. दव्वे खेत्ते काले, भावम्मि य आहिया उ जे भावा।

एएहिं ओमचरओ, पज्जवचरओ भवे भिक्खू।।

द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव में जो भाव (पर्याय) कहे गए हैं, उन सबके द्वारा अवमौदर्य करने वाला भिक्षु पर्यवचरक होता है।

२५. अट्ठविहगोयरग्गं तु, तहा सत्तेव एसणा।

अभिग्गहा य जे अन्ने, भिक्खायरियमाहिया।।

आठ प्रकार के अग्र-गोचर (गोचराग्र) तथा सात प्रकार की एषणाएं और जो अन्य अभिग्रह हैं, उन्हें भिक्षाचर्या७कहा जाता है।

२६. खीरदहिसप्पिमाई, पणीयं पाणभोयणं।

परिवज्जणं रसाणं तु, भणियं रसविवज्जणं।।

दूध, दही, घृत आदि तथा प्रणीत पान-भोजन और रसों के वर्जन को रस-विवर्जन तप८ कहा जाता है।

२७. ठाणा वीरासणाईया, जीवस्स उ सुहावहा।

उग्गा जहा धरिज्जंति, कायकिलेसं तमाहियं।।

आत्मा के लिए सुखकर वीरासन आदि उत्कट आसनों का जो अभ्यास किया जाता है, उसे कायक्लेश कहा जाता है।९

२८. एगंतमणावाए, इत्थीपसुविवज्जिए।

सयणासणसेवणया, विवित्तसयणासणं।।

एकांत, अनापात (जहां कोई आता-जाता न हो) और स्त्री-पशु आदि से रहित शयन और आसन का सेवन करना विविक्त-शयनासन (संलीनता) तप है।१०

२९. एसो बाहिरगतवो, समासेण वियाहिओ।

अब्भिंतरं तवं एत्तो, वुच्छामि अणुपुव्वसो।।

यह बाह्य तप संक्षेप में कहा गया है। अब मैं अनुक्रम से आभ्यंतर तप को कहूंगा।

३०. पायच्छित्तं विणओ, वेयावच्चं तहेव सज्झाओ।

झाणं च विउस्सग्गो, एसो अब्भिंतरो तवो।।

प्रायश्‍चित्त, विनय, वैयावृत्त्य, स्वाध्याय, ध्यान और व्युत्सर्ग—यह आभ्यंतर तप है।

३१. आलोयणारिहाईयं, पायच्छित्तं तु दसविहं।

जे भिक्खू वहई सम्मं, पायच्छित्तं तमाहियं।।

आलोचनार्ह आदि जो दस प्रकार का प्रायश्‍चित्त है, जिसका भिक्षु सम्यक् प्रकार से पालन करता है, उसे प्रायश्‍चित्त कहा जाता है।११

३२. अब्भुट्ठाणं अंजलिकरणं, तहेवासणदायणं।

गुरुभत्तिभावसुस्सूसा, विणओ एस वियाहिओ।।

अभ्युत्थान (खड़े होना), हाथ जोड़ना, आसन देना, गुरुजनों की भक्ति करना और भावपूर्वक शुश्रूषा करना विनय कहलाता है।१२

३३. आयरियमाइयम्मि य, वेयावच्चम्मि दसविहे।

आसेवणं जहाथामं, वेयावच्चं तमाहियं।।

आचार्य आदि सम्बन्धी दस प्रकार के वैयावृत्त्य का यथाशक्ति आसेवन करने को वैयावृत्त्य कहा जाता है।१३

३४. वायणा पुच्छणा चेव, तहेव परियट्टणा।

अणुप्पेहा धम्मकहा, सज्झाओ पंचहा भवे।।

स्वाध्याय पांच प्रकार का होता है१४— १. वाचना (अध्यापन) २. पृच्छना ३. परिवर्तना (पुनरावृत्ति) ४. अनुप्रेक्षा (अर्थ-चिंतन) ५. धर्मकथा।

३५. अट्टरुद्दाणि वज्जित्ता, झाएज्जा सुसमाहिए।

धम्मसुक्काइं झाणाइं, झाणं तं तु बुहा वए।।

सुसमाहित मुनि आर्त्त और रौद्र ध्यान को छोड़कर धर्म और शुक्ल ध्यान का अभ्यास करे। बुध-जन उसे ध्यान कहते हैं।१५

३६. सयणासणठाणे वा, जे उ भिक्खू न वावरे।

कायस्स विउस्सग्गो, छट्ठो सो परिकित्तिओ।।

सोने, बैठने या खड़े रहने के समय जो भिक्षु व्यापृत नहीं होता (काया को नहीं हिलाता-डुलाता) उसके काया की चेष्टा का जो परित्याग होता है, उसे व्युत्सर्ग कहा जाता है। वह आभ्यन्तर तप का छठा प्रकार है।१६

३७. एयं तवं तु दुविहं, जे सम्मं आयरे मुणी।

से खिप्पं सव्वसंसारा, विप्पमुच्चइ पंडिए।।

इस प्रकार जो पण्डित मुनि दोनों प्रकार के तपों का सम्यक् रूप से आचरण करता है, वह शीघ्र ही समस्त संसार से मुक्त हो जाता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३० : तपो-मार्ग-गति

१. बाह्य और आभ्यन्तर (बाहिरब्भंतरो)

स्वरूप और सामग्री के आधार पर तप को दो भागों में विभक्त किया गया है—(१) बाह्य और (२) आभ्यन्तर। बाह्य-तप—अनशन आदि निम्‍न कारणों से बाह्य-तप कहलाते हैं :

(१) इनमें बाहरी द्रव्यों की अपेक्षा होती है; अशन, पान आदि द्रव्यों का त्याग होता है,

(२) ये सर्वसाधारण के द्वारा तपस्या के रूप में स्वीकृत होते हैं,

(३) इनका प्रत्यक्ष प्रभाव शरीर पर अधिक होता है और

(४) ये मुक्ति के बहिरंग कारण होते हैं।

मूलाराधना के अनुसार जिसके आचरण से मन दुष्कृत के प्रति प्रवृत्त न हो, आंतरिक-तप के प्रति श्रद्धा उत्पन्न हो और पूर्व-गृहीत योगों—स्वाध्याय आदि योगों या व्रत विशेषों की हानि न हो, वह 'बाह्य-तप' होता है।

आभ्यन्तर-तप—प्रायश्‍चित्त आदि निम्‍न कारणों से आभ्यंतर तप कहलाते हैं :

१. इनमें बाहरी द्रव्यों की अपेक्षा नहीं होती,

२. ये विशिष्ट व्यक्तियों के द्वारा ही तप-रूप में स्वीकृत होते हैं,

३. इनका प्रत्यक्ष प्रभाव अन्त:करण में होता है और

४. ये मुक्ति के अन्तरंग कारण होते हैं।

महर्षि पतञ्जलि ने भी योग के अंगों को अन्तरंग और बहिरंग—इन दो भागों में विभक्त किया है। धारणा, ध्यान और समाधि—ये पूर्ववर्ती यम आदि पांच साधनों की अपेक्षा अन्तरंग हैं। निर्बीज-योग की अपेक्षा ये बहिरंग भी हैं। इसका फलितार्थ यह है कि यम आदि पांच अंग बहिरंग हैं और धारणा आदि तीन अंग अन्तरंग और बहिरंग—दोनों हैं। निर्बीज-योग केवल अन्तरंग हैं।

बाह्य-तप के प्रकार

बाह्य-तप के छह प्रकार हैं—(१) अनशन, (२) अवमौदर्य, (३) वृत्ति-संक्षेप, (४) रस-परित्याग, (५) काय-क्लेश और (६) विविक्त शय्या।

बाह्य-तप के परिणाम

बाह्य-तप के निम्‍न परिणाम होते हैं—

१. सुख की भावना स्वयं परित्यक्त हो जाती है।

२. शरीर कृश हो जाता है।

३. आत्मा संवेग में स्थापित होती है।

४. इन्द्रिय-दमन होता है।

५. समाधि-योग का उपयोग होता है।

६. वीर्य-शक्ति का उपयोग होता है।

७. जीवन की तृष्णा विच्छिन्न होती है।

८. संक्लेश-रहित दु:ख-भावना (कष्ट-सहिष्णुता) का अभ्यास होता है।

९. देह, रस और सुख का प्रतिबन्ध नहीं रहता।

१०. कषाय का निग्रह होता है।

११. विषय-भोगों के प्रति अनादर (उदासीन भाव) उत्पन्न होता है।

१२. समाधि-मरण का स्थिर अभ्यास होता है।

१३. आत्म-दमन होता है। आहार आदि का अनुराग क्षीण होता है।

१४. आहार-निराशता—आहार की अभिलाषा के त्याग का अभ्यास होता है।

१५. अगृद्धि बढ़ती है।

१६. लाभ और अलाभ में सम रहने का अभ्यास सधता है।

१७. ब्रह्मचर्य सिद्ध होता है।

१८. निद्रा-विजय होती है।

१९. ध्यान की दृढ़ता प्राप्त होती है।

२०. विमुक्ति (विशिष्ट त्याग) का विकास होता है।

२१. दर्प का नाश होता है।

२२. स्वाध्याय-योग की निर्विघ्नता प्राप्त होती है।

२३. सुख-दु:ख में सम रहने की स्थिति बनती है।

२४. आत्मा, कुल, गण, शासन—सबकी प्रभावना होती है।

२५. आलस्य त्यक्त होता है।

२६. कर्म-मल का विशोधन होता है।

२७. दूसरों को संवेग उत्पन्न होता है।

२८. मिथ्या-दृष्टियों में भी सौम्यभाव उत्पन्न होता है।

२९. मुक्ति-मार्ग का प्रकाशन होता है।

३०. तीर्थङ्कर की आज्ञा की आराधना होती है।

३१. देह-लाघव प्राप्त होता है।

३२. शरीर-स्‍नेह का शोषण होता है।

३३. राग आदि का उपशम होता है।

३४. आहार की परिमितता होने से नीरोगता बढ़ती है।

३५. संतोष बढ़ता है।

बाह्य-तप का प्रयोजन—

१. अनशन के प्रयोजन : १. संयम-प्राप्ति २. राग-नाश ३. कर्म-मल-विशोधन ४. सद्ध्यान की प्राप्ति और ५. शास्त्राभ्यास।

२. अवमौदर्य के प्रयोजन : १. संयम में सावधानता २. वात, पित्त, श्‍लेष्म आदि दोषों का उपशमन और ३. ज्ञान, ध्यान आदि की सिद्धि।

३. वृत्ति-संक्षेप के प्रयोजन : १. भोजन-सम्बन्धी आशा पर अंकुश और २. भोजन-सम्बन्धी संकल्प-विकल्प तथा चिंता का नियंत्रण।

४. रस-परित्याग के प्रयोजन : १. इन्द्रिय-निग्रह २. निद्रा-विजय और ३. स्वाध्याय, ध्यान की सिद्धि।

५. विविक्त-शय्या के प्रयोजन : १. बाधाओं से मुक्ति २. ब्रह्मचर्य-सिद्धि और ३. स्वाध्याय, ध्यान की सिद्धि।

६. काय-क्लेश के प्रयोजन : १. शारीरिक कष्ट-सहिष्णुता का स्थिर अभ्यास २. शारीरिक सुख की वाञ्छा से मुक्ति और ३. जैन-धर्म की प्रभावना।

आभ्यन्तर-तप के प्रकार—

आभ्यन्तर-तप के छह प्रकार हैं—(१) प्रायश्‍चित्त, (२) विनय, (३) वैयावृत्त्य, (४) स्वाध्याय, (५) ध्यान और (६) व्युत्सर्ग।

आभ्यन्तर-तप के परिणाम—

भाव-शुद्धि, चंचलता का अभाव, शल्य-मुक्ति, धार्मिक- दृढ़ता आदि प्रायश्‍चित्त के परिणाम हैं।

ज्ञान-लाभ, आचार-विशुद्धि, सम्यक्-आराधना आदि विनय के परिणाम हैं।

चित्त-समाधि का लाभ, ग्लानि का अभाव, प्रवचन-वात्सल्य आदि वैयावृत्त्य के परिणाम हैं।

प्रज्ञा का अतिशय, अध्यवसाय की प्रशस्तता, उत्कृष्ट संवेग का उदय, प्रवचन की अविच्छिन्नता, अतिचार-विशुद्धि, सन्देह-नाश, मिथ्यावादियों के भय का अभाव आदि स्वाध्याय के परिणाम हैं।

कषाय से उत्पन्न ईर्ष्या, विषाद, शोक आदि मानसिक दु:खों से बाधित न होना तथा सर्दी, गर्मी, भूख, प्यास आदि शरीर को प्रभावित करने वाले कष्टों से बाधित न होना ध्यान के परिणाम हैं।

निर्ममत्व, निर्भयता, जीवन के प्रति अनासक्ति, दोषों का उच्छेद, मोक्ष-मार्ग में तत्परता आदि व्युत्सर्ग के परिणाम हैं।

२. इत्वरिक (इत्तिरिया)

औपपातिक (सूत्र १९) में इत्वरिक के चौदह प्रकार बतलाए गए हैं—

१. चतुर्थ भक्त—उपवास।

२. षष्ट-भक्त—२ दिन का उपवास।

३. अष्टम-भक्त—३ दिन का उपवास।

४. दशम-भक्त—४ दिन का उपवास।

५. द्वादश-भक्त—५ दिन का उपवास।

६. चतुर्दश-भक्त—६ दिन का उपवास।

७. षोडश-भक्त—७ दिन का उपवास।

८. अर्धमासिक-भक्त—१५ दिन का उपवास।

९. मासिक-भक्त—१ मास का उपवास।

१०. द्वैमासिक-भक्त—२ मास का उपवास।

११. त्रैमासिक-भक्त—३ मास का उपवास।

१२. चतुर्मासिक-भक्त—४ मास का उपवास।

१३. पंचमासिक-भक्त—५ मास का उपवास।

१४. छहमासिक-भक्त—६ मास का उपवास।

इत्वरिक-तप कम से कम एक दिन और अधिक से अधिक ६ मास तक का होता है।

प्रस्तुत प्रकरण में इत्वरिक-तप छह प्रकार का बतलाया गया है—(१) श्रेणि तप, (२) प्रतर तप, (३) घन तप, (४) वर्ग तप, (५) वर्ग-वर्ग तप और (६) प्रकीर्ण तप।

(१) श्रेणि तप—उपवास से लेकर छह मास तक क्रमपूर्वक जो तप किया जाता है, उसे श्रेणि तप कहा जाता है। इसकी अनेक अवान्तर श्रेणियां होती हैं। जैसे—उपवास, बेला—यह दो पदों का श्रेणि तप है। उपवास, बेला, तेला, चोला—यह चार पदों का श्रेणि तप है।

(२) प्रतर तप—यह श्रेणि तप को जितने क्रम—प्रकारों से किया जा सकता है, उन सब क्रमों—प्रकारों को मिलाने से प्रतर तप होता है। उदाहरण स्वरूप उपवास, बेला, तेला और चोला—इन चार पदों की श्रेणि लें। इसके निम्‍नलिखित चार क्रम—प्रकार बनते हैं—

क्रम—प्रकार१२३४
१उपवासबेलातेलाचोला
२बेलातेलाचोलाउपवास
३तेलाचोला उपवासबेला
४चोला उपवासबेलातेला

यह प्रतर तप है। इसके कुल पदों की संख्या १६ हैं। इस तरह यह तप श्रेणि को श्रेणि-पदों से गुणा करने से बनता है।

(३) घन तप—जितने पदों की श्रेणि है, प्रतर को उतने पदों से गुणा करने से घन तप बनता है। यहां चार पदों की श्रेणि है। अत: उपर्युक्त प्रतर तप को चार से गुणा करने से अर्थात् उसे चार बार करने से घन तप होता है। घन तप के ६४ पद बनते हैं।

(४) वर्ग तप—घन को घन से गुणा करने पर वर्ग तप बनता है अर्थात् घन तप को ६४ बार करने से वर्ग तप बनता है। इसके ६४ × ६४ = ४०९६ पद बनते हैं।

(५) वर्ग-वर्ग तप—वर्ग को वर्ग से गुणा करने पर वर्ग-वर्ग तप बनता है अर्थात् वर्ग तप को ४०९६ बार करने से वर्ग-वर्ग तप बनता है। इसके ४०९६ × ४०९६ = १६७७७२१६ पद बनते हैं।

(६) प्रकीर्ण तप—यह पद श्रेणि आदि निश्‍चित पदों की रचना बिना ही अपनी शक्ति के अनुसार किया जाता है। यह अनेक प्रकार का है।

शान्त्याचार्य ने नमस्कार-संहिता आदि तथा यवमध्य, वज्रमध्य, चन्द्र-प्रतिमा आदि तपों को प्रकीर्ण तप के अन्तर्गत माना है।

३. नाना प्रकार के मनोवांछित फल देने वाला (मणइच्छियचित्तत्थो)

टीकाकार ने इसका अर्थ 'मनो वाञ्छित विचित्र प्रकार का फल देने वाला' किया है। फल-प्राप्ति के लिए तप नहीं करना चाहिए, टीकाकार का अर्थ इस मान्यता का विरोधी नहीं है। 'मणइच्छियचित्तत्थो' यह वाक्य तप के गौण फल का सूचक है। आगम-साहित्य में इस प्रकार के अनेक उल्लेख मिलते हैं। इसका अर्थ 'मन इच्छित विचित्र प्रकार से किया जाने वाला तप' भी हो सकता है।

४. (श्‍लोक १२-१३)

इन दो श्‍लोकों में मरण-काल-भावी अनशन का निरूपण है। औपपातिक में उसके दो प्रकार निर्दिष्ट हैं—पादपोपगमन और भक्त-प्रत्याख्यान।

पादपोपगमन नियमत: अप्रतिकर्म है और उसके दो प्रकार हैं—व्याघात और निर्व्याघात।

भक्त-प्रत्याख्यान नियमत: सप्रतिकर्म है और उसके भी दो प्रकार हैं—व्याघात और निर्व्याघात।

समवायांग में इस अनशन के तीन प्रकार निर्दिष्ट हैं—भक्त-प्रत्याख्यान, इंगिनी और पादपोपगमन।

प्रस्तुत अध्ययन में मरण-काल भावी अनशन के प्रकारों (भक्त-प्रत्याख्यान आदि) का उल्लेख नहीं है। केवल उनका सात विधाओं से विचार किया गया है।

(१) सविचार—हलन-चलन सहित।

(२) सपरिकर्म५—शुश्रूषा या संलेखना-सहित।

(३) निर्हारि—उपाश्रय से बाहर गिरी-कंदरा आदि एकान्त स्थानों में किया जाने वाला।

(४) अविचार—स्थिरता युक्त।

(५) अपरिकर्म—शुश्रूषा या संलेखना-रहित।

(६) अनिर्हारि—उपाश्रय में किया जाने वाला।

(७) आहारच्छेद—अशन आदि का परित्याग।

भक्त-प्रत्याख्यान में जल-वर्जित त्रिविध आहार का भी प्रत्याख्यान किया जाता है और चतुर्विध आहार का भी। इंगिनी और पादपोपगमन—इन दोनों में चतुर्विध आहार का परित्याग किया जाता है।

भक्त-प्रत्याख्यान अनशन करने वाला अपनी इच्छा के अनुसार आ-जा सकता है। इंगिनी अनशन करने वाला नियत प्रदेश में इधर-उधर आ-जा सकता है, किन्तु उससे बाहर नहीं जा सकता है। पादपोपगमन अनशन करने वाला वृक्ष के समान निश्‍चेष्ट होकर लेटा रहता है या जिस आसन में अनशन प्रारम्भ करता है, उसी आसन में स्थिर रहता है—हलन-चलन नहीं करता।

भक्त-प्रत्याख्यान अनशन करने वाला स्वयं भी अपनी शुश्रूषा करता है और दूसरों से भी करवाता है। इंगिनी अनशन करने वाला दूसरों से शुश्रूषा नहीं करवाता, किन्तु स्वयं अपनी शुश्रूषा कर सकता है। पादपोपगमन अनशन करने वाला अपने शरीर की शुश्रूषा न स्वयं करता है और न किसी दूसरे से करवाता है।

शान्त्याचार्य ने निर्हारि और अनिर्हारि—ये दोनों पादपोपगमन के प्रकार बतलाए हैं। किन्तु स्थानांग में ये दो प्रकार भक्त-प्रत्याख्यान के भी किए गए हैं।

दिगम्बर आचार्य शिवकोटि और अनशन

१. भक्त प्रत्याख्यान :

उनके अनुसार भक्त-प्रत्याख्यान अनशन के दो प्रकार हैं—(१) सविचार और (२) अविचार।

जो उत्साह—बलयुक्त है, जिसकी मृत्यु तत्काल होने वाली नहीं है, उस मुनि के भक्त-प्रत्याख्यान को 'सविचार भक्त-प्रत्याख्यान' कहा जाता है। इसका अर्ह, लिंग आदि ४० प्रकरणों द्वारा विचार किया गया है

मृत्यु की आकस्मिक संभावना होने पर भक्त-प्रत्याख्यान किया जाता है, उसे 'अविचार भक्त-प्रत्याख्यान' कहा जाता है। उसके तीन प्रकार हैं :

१. निरुद्ध : जो रोग और आतंक से पीड़ित हो, जिसका जंघाबल क्षीण हो और जो दूसरे गण में जाने में असमर्थ हो, उस मुनि के भक्त-प्रत्याख्यान को 'निरुद्ध अविचार भक्त-प्रत्याख्यान' कहा जाता है।

जब तक उसमें बल-वीर्य होता है, तब तक अपना काम स्वयं करता है और जब वह असमर्थ हो जाता है, तब दूसरे मुनि उसकी परिचर्या करते हैं। जंघाबल क्षीण होने पर अन्य गण में जाने में असमर्थ होने के कारण जो मुनि अपने गण में ही निरुद्ध रहता है, उसके भक्त-प्रत्याख्यान को 'अनिर्हारि' भी कहा जाता है। इसमें अनियत विहार आदि की विधि नहीं होती, इसलिए उसे 'अविचार' कहा जाता है।

निरुद्ध दो प्रकार का होता है—(१) जन-ज्ञात और (२) जन-अज्ञात।

२. निरुद्धतर : मृत्यु का तात्कालिक कारण (सर्प-दंश, अग्‍नि आदि) उपस्थित होने पर तत्काल भक्त-प्रत्याख्यान किया जाता है, उसका नाम निरुद्धतर है। बल-वीर्य की तत्काल हानि होने पर वह पर-गण में जाने में अत्यन्त असमर्थ होता है, इसलिए उसका अनशन 'निरुद्धतर' कहलाता है। यह अनिर्हारि होता है।

३. परमनिरुद्ध : सर्प-दंश आदि कारणों से जब वाणी रुक जाती है, उस स्थिति में भक्त-प्रत्याख्यान को 'परमनिरुद्ध' कहा जाता है।

२. इंगिनी :

इस अनशन की अधिकांश विधि भक्त-प्रत्याख्यान के समान होती है। केवल इतना विशेष होता है कि इंगिनी अनशन करने वाला दूसरे मुनियों से सेवा नहीं लेता, अपना काम स्वयं करता है। उपसर्ग होने पर भी निष्प्रतिकर्म होता है—प्रतिकार-रहित उन्हें सहता है।

३. प्रायोपगमन :

इसमें तृणसंस्तर (घास का बिछौना) नहीं किया जाता, स्वयं परिचर्या करना भी वर्जित होता है, यह सर्वथा अपरिकर्म होता है।

भक्त-प्रत्याख्यान में शारीरिक परिचर्या स्वयं की जाती है, दूसरों से कराई भी जाती है। इंगिनी में वह स्वयं की जाती है, दूसरों से नहीं कराई जाती। प्रायोपगमन में वह न स्वयं की जाती है और न दूसरों से कराई जाती है।

प्रायोपगमन अनशन करने वाला शरीर को इतना कृश कर लेता है कि उसके मल-मूत्र होते ही नहीं। वह अनशन करते समय जहां अपना शरीर टिका देता है, वहीं स्थिर-भाव से टिकाए रहता है। इस प्रकार वह निष्प्रतिकर्म होता है। वह अचल होता है, इसलिए अनिर्हार होता है। दूसरा कोई व्यक्ति उसे उठा कर किसी दूसरे स्थान में डाल देता है तो पर-कृत चालन की अपेक्षा वह निर्हार भी हो जाता है।

श्‍वेताम्बर और दिगम्बर-परम्परा में अनशन के तीनों प्रकार और अनेक नाम समान हैं। 'पाओअगमण' का संस्कृत रूप श्‍वेताम्बर आचार्यों ने 'पादपोपगमन' किया है, वहीं दिगम्बर आचार्यों ने 'प्रायोपगमन किया है'। अर्थ की दृष्टि से 'पादपोपगमन' अधिक उपयुक्त है किन्तु संस्कृत छाया की दृष्टि से 'प्रायोपगमन' होना चाहिए। महाभारत में अनशनकर्त्ता के अर्थ में 'प्रायोपविष्ट' शब्द का प्रयोग मिलता है। काश्मीर में अनशन के प्रबन्ध के लिए एक पदाधिकारी नियुक्त था, जो 'प्रायोपवेश' कहलाता था।

श्‍वेताम्बरदिगम्बर
१. सविचार—गमनागमन-सहितअर्ह लिंग आदि विकल्प-सहित।
२. अविचार—गमनागमन-रहितअर्ह लिंग आदि विकल्प-रहित।
३. निर्हारि—उपाश्रय के एक देशमें, जिससे मृत्यु के पश्‍चात् शरीर का निर्हरण किया जाए—बाहर ले जाया जाए।स्व-गण का त्याग कर पर-गण में जा सके, वह।
४. अनिर्हारि—गिरि-गुफा आदि में, जिससे मृत्यु के पश्‍चात् निर्हरण करना आवश्यक न हो।स्व-गण का त्याग कर पर-गण में न जा सके, वह।

प्रायोपगमन के वर्णन में आचार्य शिवकोटि ने अनिर्हार और निर्हार का अर्थ 'अचल' और 'चल' भी किया है। मूलाराधना के भक्त-प्रत्याख्यान के निरुद्धतर और परमनिरुद्ध की तुलना औपपातिक के पादपोपगमन और भक्त-प्रत्याख्यान के एक प्रकार—व्याघात-सहित से होती है। औपपातिक के अनुसार पादपोपगमन और भक्त-प्रत्याख्यान दोनों अनशनों के दो-दो प्रकार होते हैं—व्याघात-सहित और व्याघात-रहित। व्याघात-सहित का अर्थ है—सिंह, दावानल आदि का व्याघात उत्पन्न होने पर किया जाने वाला अनशन।

इनसे यह फलित होता है कि अनशन व्याघात उत्पन्न होने पर भी किया जाता है और व्याघात न होने पर भी किया जाता है। सूत्रकृतांग के अनुसार शारीरिक बाधा उत्पन्न होने या न होने पर भी अनशन किया जाता है।

अनशन का हेतु शरीर के प्रति निर्ममत्व है। जब तक शरीर-ममत्व होता है, तब तक मनुष्य मृत्यु से भयभीत रहता है और जब वह शरीर-ममत्व से मुक्त होता है, तब मृत्यु के भय से भी मुक्त हो जाता है। अनशन को देह-निर्ममत्व या अभय की साधना का विशिष्ट प्रकार कहा जा सकता है। मृत्यु अनशन का उद्देश्य नहीं, किंतु उसका गौण परिणाम है। उसका मुख्य परिणाम है—आत्म-लीनता। इसी प्रकार महात्मा गांधी का एक अनुभव है—''मुझे मालूम होता है कि किसी कारण से आदमी को मरना ही हो अथवा मालूम हो जाए कि मरना है, तो खाए हुए से उपवास करके मरना कहीं बढ़कर है अथवा इन दोनों का मुकाबला ही उचित नहीं है। मैं नहीं जानता कि खाए हुए मरने से वृत्ति कैसी रहती होगी पर जान पड़ता है कि अच्छी तो नहीं रहती होगी और उपवास में वृत्ति का क्या पूछना है? जान पड़ता है ब्रह्मानन्द में लीन है।''

तात्कालिक व्याघात या बाधा उत्पन्न न होने पर किया जाने वाला अनशन संलेखना-पूर्वक होता है।

आगम-सूत्रों में मरण एवं अनशन के भेद इस प्रकार हैं—

उपर्युक्त नाम स्थानांग और भगवती से कुछ भिन्न हैं। इनमें अनशन के तीन प्रकार हैं—१. भक्त-प्रत्याख्यान, २. इंगिनी और ३. पादपोपगमन।

मूलाराधना में अनशन के अधिकारी का वर्णन है। इसके अधिकारी वे होते हैं—

१. जो दुश्‍चिकित्स्य व्याधि (संयम को छोड़े बिना जिसका प्रतिकार करना संभव न हो) से पीड़ित हो।

२. जो श्रामण्य-योग की हानि करने वाली जरा से अभिभूत हो।

३. जो देव, मनुष्य या तिर्यञ्च सम्बन्धी उपसर्गों से उपद्रुत हो।

४. जिसके चारित्र-विनाश के लिए अनुकूल उपसर्ग किए जा रहे हों।

५. दुष्काल में जिसे शुद्ध भिक्षा न मिले।

६. जो गहन अटवी में दिग्मूढ़ हो जाए और मार्ग हाथ न लगे।

७. जिसके चक्षु और श्रोत्र दुर्बल तथा जंघाबल क्षीण हो जाए और जो विहार करने में समर्थ न हो।

उक्त व इन जैसे अन्य कारण उपस्थित होने पर व्यक्ति अनशन का अधिकारी होता है।

जिस मुनि का चारित्र निरतिचार पल रहा हो, संलेखना कराने वाले आचार्य (निर्णायक आचार्य) भविष्य में सुलभ हों, दुर्भिक्ष का भय न हो, वैसी स्थिति में वह अनशन का अनधिकारी है। विशिष्ट स्थिति उत्पन्न हुए बिना जो अनशन करे तो समझना चाहिए कि वह चारित्र से खिन्न है।

संलेखना

आचारांग में बताया गया है कि जब मुनि को यह अनुभव हो कि इस शरीर को धारण करने में मैं ग्लान हो रहा हूं, तब वह क्रम से आहार का संकोच करे, संलेखना करे—आहार संकोच के द्वारा शरीर को कृश करे।

संलेखना के काल

संलेखना के तीन काल हैं—(१) जघन्य—छह मास का काल (२) मध्यम—एक वर्ष का काल और (३) उत्कृष्ट—१२ वर्ष का काल।

उत्कृष्ट संलेखना के काल में प्रथम चार वर्षों में दूध, घी आदि विकृतियों का त्याग अथवा आचाम्ल किया जाता है। सूत्र में प्रथम चार वर्षों में विचित्र तप करने का उल्लेख नहीं है। किन्तु शान्त्याचार्य ने निशीथ चूर्णि के आधार पर इसका अर्थ यह किया है कि संलेखना करने वाला विचित्र तप के पारण में विकृतियों का परित्याग करे।

प्रवचनसारोद्धार में भी यही क्रम है। प्रथम चार वर्षों में विचित्र तप किया जाता है और उसके पारण में यथेष्ट भोजन किया जाता है। दूसरे चार वर्षों में विचित्र तप किया जाता है, किन्तु पारण में विकृति का परित्याग किया जाता है। आगे का क्रम समान है।

उत्तराध्ययन (३६।२५१-२५५) के अनुसार इस संलेखना का पूर्ण क्रम इस प्रकार है—

प्रथम चार वर्ष—विकृति का परित्याग अथवा आचाम्ल।

द्वितीय चार वर्ष—विचित्र तप—उपवास, बेला, तेला आदि और पारण में यथेष्ट भोजन।

नौवें और दसवें वर्ष—एकान्तर उपवास और पारण में आचाम्ल।

ग्यारहवें वर्ष की प्रथम छमाही—उपवास या बेला।

ग्यारहवें वर्ष की द्वितीय छमाही—विकृष्ट तप—तेला, चोला आदि तप।

समूचे ग्यारहवें वर्ष में पारण के दिन—आचाम्ल। प्रथम छमाही में आचाम्ल के दिन ऊनोदरी की जाती है और दूसरी छमाही में उस दिन पेट भर भोजन किया जाता है।

बारहवें वर्ष में—कोटि-संहित आचाम्ल अर्थात् निरन्तर आचाम्ल अथवा प्रथम दिन आचाम्ल, दूसरे दिन कोई दूसरा तप और तीसरे दिन फिर आचाम्ल।

बारह वर्ष के अन्त में—अर्द्ध-मासिक या मासिक अनशन, भक्त-परिज्ञा आदि। निशीथ चूर्णि के अनुसार बारहवें वर्ष में क्रमश: आहार की इस प्रकार कमी की जाती है जिससे आहार और आयु एक साथ ही समाप्त हो। उस वर्ष के अन्तिम चार महीनों में मुंह में तैल भरकर रखा जाता है। मुखयंत्र विसंवादी न हो—नमस्कार मंत्र आदि का उच्चारण करने में असमर्थ न हो, यह उसका प्रयोजन है।

संलेखना का अर्थ है छीलना—कृश करना। शरीर को कृश करना—यह द्रव्य (बाह्य) संलेखना है। कषाय को कृश करना—यह भाव (आन्तरिक) संलेखना है।

आचार्य शिवकोटि ने छह प्रकार के बाह्य-तप को बाह्य-संलेखना का साधन माना है। संलेखना का दूसरा क्रम एक दिन उपवास और दूसरे दिन वृत्ति-परिसंख्यान तप है। बारह भिक्षु-प्रतिमाओं को भी संलेखना का साधन माना है। शरीर-संलेखना के इन अनेक विकल्पों में आचाम्ल तप उत्कृष्ट साधन है। संलेखना करने वाला, तेला, चोला, पंचोला आदि तप करके पारण में मित और हल्का आहार (बहुधा आचाम्ल अर्थात् कांजी का आहार—'आयंबिलं—कांजिकाहारं' मूलाराधना ३।२५१, मूलाराधना दर्पण) करता है।

भक्त-परिज्ञा का उत्कृष्ट काल १२ वर्ष का है। उसका क्रम इस प्रकार है—

(१) प्रथम चार वर्षों में विचित्र अर्थात् अनियत काय-क्लेशों के द्वारा शरीर कृश किया जाता है।

(२) दूसरे चार वर्षों में विकृतियों का परित्याग कर शरीर को सुखाया जाता है।

(३) नौवें और दसवें वर्ष में आचाम्ल और विकृति-वर्जन किया जाता है।

(४) ग्यारहवें वर्ष में केवल आचाम्ल किया जाता है।

(५) बारहवें वर्ष की प्रथम छमाही में अविकृष्ट तप—उपवास, बेला आदि किया जाता है।

(६) बारहवें वर्ष की दूसरी छमाही में विकृष्ट तप—तेला, चोला आदि किया जाता है।

दोनों परम्पराओं में संलेखना के विषय में थोड़ा क्रम-भेद है, किन्तु यह विचारणीय नहीं है। आचार्य शिवकोटि के शब्दों में संलेखना के लिए वही तप या उसका वही क्रम अंगीकार करना चाहिए जो द्रव्य, क्षेत्र, काल और शरीर-धातु के अनुकूल हो। संलेखना का जो क्रम बतलाया गया है, वही क्रम है ऐसा नियम नहीं है। जिस प्रकार शरीर का क्रमश: संलेखन (तनूकरण) हो, वही प्रकार अंगीकरणीय है।

रत्‍नकरण्डक श्रावकाचार में उपसर्ग, दुर्भिक्ष, बुढ़ापा और असाध्य रोग उत्पन्न होने पर धर्म की आराधना के लिए शरीर त्यागने को 'संलेखना' कहा गया है।

५. अवमौदर्य (ऊनोदरिका) (ओमोयरियं)

यह बाह्य-तप का दूसरा प्रकार है। इसका अर्थ है 'जिस व्यक्ति की जितनी आहार-मात्रा है, उससे कम खाना।' यहां इसके पांच प्रकार किए गए हैं—(१) द्रव्य की दृष्टि से अवमौदर्य, (२) क्षेत्र की दृष्टि से अवमौदर्य, (३) काल की दृष्टि से अवमौदर्य, (४) भाव की दृष्टि से अवमौदर्य और (५) पर्यव की दृष्टि से अवमौदर्य।

औपपातिक में इसका विभाजन भिन्न प्रकार से है—(१) द्रव्यत: अवमौदर्य और (२) भावत: अवमौदर्य। द्रव्यत: अवमौदर्य के दो प्रकार हैं—(१) उपकरण अवमौदर्य और (२) भक्त-पान अवमौदर्य। भक्त-पान अवमौदर्य के अनेक प्रकार हैं—(१) आठ ग्रास खाने वाला अल्पाहारी होता है, (२) बारह ग्रास खाने वाला अपार्द्ध अवमौदर्य होता है, (३) सोलह ग्रास खाने वाला अर्द्ध अवमौदर्य होता है, (४) चौबीस ग्रास खाने वाला पौन अवमौदर्य होता है और (५) इकतीस ग्रास खाने वाला किंचित् अवमौदर्य होता है।

यह कल्पना भोजन की पूर्ण मात्रा के आधार पर की गई है। पुरुष के आहार की पूर्ण मात्रा बत्तीस ग्रास और स्त्री के पूर्ण आहार की मात्रा अट्ठाईस ग्रास है। ग्रास का परिमाण मुर्गी के अण्डे अथवा हजार चावल जितना बतलाया गया है। इसका तात्पर्य यह है कि जितनी भूख हो, उससे एक कवल कम खाना भी अवमौदर्य है। क्रोध, मान, माया, लोभ, कलह आदि को कम करना भावत: अवमौदर्य है। निद्रा-विजय, समाधि, स्वाध्याय, परम-संयम और इन्द्रिय-विजय—ये अवमौदर्य के फल हैं।

६. (ग्रामे.....पल्ली)

ग्राम—जो गुणों को ग्रसित करे अथवा जहां १८ प्रकार के कर लगते हों, वह 'ग्राम' कहलाता है।१५ ग्राम का अर्थ 'समूह' है। जहां-जहां जन-समूह रहता है, उसका नाम ग्राम हो गया।

नगर—जहां किसी प्रकार का कर न लगता हो, उसे 'नगर' कहा जाता है। अर्थ-शास्त्र में राजधानी के लिए 'नगर' या 'दुर्ग' और साधारण कस्बों के लिए 'ग्राम' शब्द प्रयुक्त हुआ है। किन्तु प्रस्तुत श्‍लोक में राजधानी का प्रयोग भी हुआ है, इससे जान पड़ता है कि नगर बड़ी बस्तियों का नाम है, भले फिर वे राजधानी हों या न हों।

निगम—व्यापारियों का गांव; वह बस्ती जहां बहुत व्यापारी रहते हैं।

आकर—खान का समीपवर्ती गांव।

पल्ली—बीहड़ स्थान में होने वाली बस्ती, चोरों का गांव।

७. भिक्षाचर्या (भिक्खायरियं)

यह बाह्य-तप का तीसरा प्रकार है। इसका दूसरा नाम 'वृत्ति-संक्षेप' या 'वृत्ति-परिसंख्यान' है। अष्ट प्रकार के गोचराग्रों, सात एषणाओं तथा अन्य विविध प्रकार के अभिग्रहों के द्वारा भिक्षा-वृत्ति को संक्षिप्त किया जाता है। गोचराग्र के आठ प्रकार हैं—

(१) पेटा—पेटा की भांति चतुष्कोण घूमते हुए (बीच के घरों को छोड़ चारों दिशाओं में समश्रेणि स्थित घरों में जाते हुए), 'मुझे भिक्षा मिले तो लूं अन्यथा नहीं'—इस संकल्प से भिक्षा करने का नाम पेटा है।

(२) अर्द्ध-पेटा—अर्द्ध-पेटा की भांति द्विकोण घूमते हुए (दो दिशाओं में स्थित गृह-श्रेणि में जाते हुए), 'मुझे भिक्षा मिले तो लूं अन्यथा नहीं'—इस संकल्प से भिक्षा करने का नाम अर्द्ध-पेटा है।

(३) गो-मूत्रिका—गो-मूत्रिका की तरह बलखाते हुए (बाएं पार्श्‍व के घर से दाएं पार्श्‍व के घर और दाएं पार्श्‍व से बाएं पार्श्‍व के घर में जाते हुए), 'मुझे भिक्षा मिले तो लूं अन्यथा नहीं'—इस संकल्प से भिक्षा करने का नाम गो-मूत्रिका है।

(४) पतंग-वीथिका—पतंगा जैसे अनियत क्रम से उड़ता है, वैसे अनियत क्रम से (एक घर से भिक्षा ले फिर कई घर छोड़ फिर किसी घर में) 'मुझे भिक्षा मिले तो लूं नहीं तो नहीं'—इस प्रकार संकल्प से भिक्षा करने का नाम पतंग-वीथिका है।

(५) शंबूकावर्त्ता—शंख के आवर्त्तों की तरह भिक्षाटन करने को शंबूकावर्त्ता कहा जाता है। इसके दो प्रकार हैं—(१) आभ्यन्तर शंबूकावर्त्ता और (२) बाह्य शंबूकावर्त्ता।

(क) शंख के नाभि-क्षेत्र से प्रारम्भ हो बाहर आने वाले आवर्त्त की भांति गांव के भीतरी भाग से भिक्षाटन करते हुए बाहरी भाग से आने को 'आभ्यन्तर शंबूकावर्त्ता' कहा जाता है।

(ख) बाहर से भीतर जाने वाले शंख के आवर्त्त की भांति गांव के बाहरी भाग से भिक्षाटन करते हुए भीतरी भाग में आने को 'बाह्य शंबूकावर्त्ता' कहा जाता है।

स्थानांग वृत्ति के अनुसार (क) बाह्य शंबूकावर्त्ता की व्याख्या है और (ख) आभ्यन्तर शंबूकावर्त्ता की व्याख्या है।

किन्तु इन दोनों व्याख्याओं की अपेक्षा पंचाशकवृत्ति की व्याख्या अधिक हृदय-स्पर्शी है। उसके अनुसार दक्षिणावर्त शंख की भांति दांई ओर आवर्त्त करते हुए 'भिक्षा मिले तो लूं नहीं तो नहीं'—इस संकल्प से भिक्षा करने का नाम आभ्यन्तर शंबूकावर्त्ता है। इसी प्रकार वामावर्त शंख की भांति बांई ओर आवर्त करते हुए 'भिक्षा मिले तो लूं नहीं तो नहीं'—इस संकल्प से भिक्षा करने का नाम बाह्य शंबूकावर्त्ता है।

(६) आयतं-गत्वा-प्रत्यागता—सीधी सरल गली के अन्तिम घर तक जाकर वापिस आते हुए भिक्षा लेने का नाम आयतं-गत्वा- प्रत्यागता है।

उन्नीसवीं गाथा में ये छह प्रकार निर्दिष्ट हैं और प्रस्तुत श्‍लोक में गोचराग्र के आठ प्रकारों का उल्लेख है। वे आयतं-गत्वा- प्रत्यागता से पृथक् मानने पर तथा शंबूकावर्त्ता के उक्त दोनों प्रकारों को पृथक्-पृथक् मानने पर बनते हैं।

मूलाराधना में गोचराग्र के छह प्रकार हैं—(१) गत्वा प्रत्यागता, (२) ऋजु-वीथि, (३) गो-मूत्रिका, (४) पेलविया, (५) शंबूकावर्त्ता और (६) पतंगवीथि।

जिस मार्ग से भिक्षा लेने जाए उसी मार्ग से लौटते समय भिक्षा मिले तो वह ले सकता है अन्यथा नहीं—यह गत्वा (गत) प्रत्यागत का अर्थ है।

प्रवचनसारोद्धार के अनुसार गली की एक पंक्ति में भिक्षा करता हुआ जाता है और लौटते समय दूसरी पंक्ति से भिक्षा करता है।

सरल मार्ग से जाते समय यदि भिक्षा मिले तो वह ले सकता है अन्यथा नहीं—यह ऋजु-वीथि का अर्थ है।

प्रवचनसारोद्धार के अनुसार ऋजु मार्ग से भिक्षाटन करते हुए जाता है, वापस आते समय भिक्षा नहीं करता।

इन गोचराग्र की प्रतिमाओं से ऊनोदरी होती है, इसलिए इन्हें 'क्षेत्रत: अवमौदर्य' भी कहा गया है।

सात एषणाएं—

(१) संसृष्टा—खाद्य वस्तु से लिप्त हाथ या पात्र से देने पर भिक्षा लेना।

(२) असंसृष्टा—भोजन-जात से अलिप्त हाथ या पात्र से देने पर भिक्षा लेना।

(३) उद्धृता—अपने प्रयोजन के लिए रांधने के पात्र से दूसरे पात्र से निकला हुआ आहार लेना।

(४) अल्पलेपा—अल्पलेप वाली अर्थात् चना, चिउड़ा आदि रूखी वस्तु लेना।

(५) अवगृहीता—खाने के लिए थाली में परोसा हुआ आहार लेना।

(६) प्रगृहीता—परोसने के लिए कड़छी या चम्मच से निकला हुआ आहार लेना।

(७) उज्झितधर्मा—जो भोजन अमनोज्ञ होने के कारण परित्याग करने योग्य हो, उसे लेना।

मूलाराधना में वृत्ति-संक्षेप के प्रकार भिन्न रूप से प्राप्त होते हैं—

(१) संसृष्ट—शाक, कुल्माष आदि धान्यों से संसृष्ट आहार।

(२) फलिहा—मध्य में ओदन और उसके चारों ओर शाक रखा हो, ऐसा आहार।

(३) परिखा—मध्य में अन्न और उसके चारों ओर व्यंजन रखा हो, वैसा आहार।

(४) पुष्पोपहित—व्यंजनों के मध्य में पुष्पों के समान अन्न की रचना किया हुआ आहार।

(५) शुद्धगोपहित—निष्पाव आदि धान्य से अमिश्रित शाक, व्यंजन आदि।

(६) लेपकृत—हाथ के चिपकने वाला आहार।

(७) अलेपकृत—हाथ के न चिपकने वाला आहार।

(८) पानक—द्राक्षा आदि से शोधित पानक—चाहे वह सिक्थ-सहित हो या सिक्थ-रहित।

अमुक द्रव्य, अमुक क्षेत्र में, अमुक काल में व अमुक अवस्था में मिले तो लूं अन्यथा नहीं—इस प्रकार अनेक अभिग्रहों के द्वारा वृत्ति का संक्षेप किया जाता है।

औपपातिक में वृत्ति-संक्षेप के तीस प्रकार बतलाए हैं—

(१) द्रव्याभिग्रहचरक

(२) क्षेत्राभिग्रहचरक

(३) कालाभिग्रहचरक

(४) भावाभिग्रहचरक

(५) उक्षिप्तचरक

(६) निक्षिप्तचरक

(७) उत्क्षिप्त-निक्षिप्तचरक

(८) निक्षिप्त-उत्क्षिप्तचरक

(९) परिवेष्यमाणचरक

(१०) संह्रियमाणचरक

(११) उपनीतचरक

(१२) अपनीतचरक

(१३) उपनीत-अपनीतचरक

(१४) अपनीत-उपनीतचरक

(१५) संसृष्टचरक

(१६) असंसृष्टचरक

(१७) तज्जातसंसृष्टचरक

(१८) अज्ञातचरक

(१९) मौनचरक

(२०) दृष्टलाभिक

(२१) अदृष्टलाभिक

(२२) पृष्टलाभिक

(२३) अपृष्टलाभिक

(२४) भिक्षालाभिक

(२५) अभिक्षालाभिक

(२६) अन्नग्लायक

(२७) औपनिधिक

(२८) परिमितपिण्डपातक

(२९) शुद्धएषणिक

(३०) संख्यादत्तिक।

मूलाराधना में पाटक, निवसन, भिक्षा-परिमाण और दातृ-परिमाण भी वृत्ति-संक्षेप के प्रकार बतलाए गए हैं।

८. रस-विवर्जन तप (रसविवज्जणं)

रस-विवर्जन या रस-परित्याग बाह्य-तप का चतुर्थ प्रकार है। मूलाराधना में वृत्ति-परिसंख्या चतुर्थ और रस-परित्याग तृतीय प्रकार है। उत्तराध्ययन में रस-विवर्जन का अर्थ है— दूध, दही, घी आदि का त्याग और प्रणीत (स्‍निग्ध) पान-भोजन का त्याग।

औपपातिक में इसका विस्तार मिलता है। वहां इसके निम्‍नलिखित प्रकार उपलब्ध हैं—

(१) निर्विकृति—विकृति का त्याग।

(२) प्रणीत रस-परित्याग—स्‍निग्ध व गरिष्ठ आहार का त्याग।

(३) आयामाम्ल—अम्ल-रस मिश्रित अन्न का आहार।

(४) आयाम-सिक्थ-भोजन—ओसामण से मिश्रित अन्न का आहार।

(५) अरस आहार—हींग आदि से असंस्कृत आहार।

(६) विरस आहार—पुराने धान्य का आहार।

(७) अन्त्य आहार—वल्ल आदि तुच्छ धान्य का आहार।

(८) प्रान्त्य आहार—ठण्डा आहार।

(९) रूक्ष आहार—रूखा आहार।

इस तप का प्रयोजन है 'स्वाद-विजय'। इसीलिए रस-परित्याग करने वाला विकृति, सरस व स्वादु भोजन नहीं खाता।

विकृतियां नौ हैं—(१) दूध, (२) दही, (३) नवनीत (४) घृत, (५) तैल, (६) गुड़, (७) मधु, (८) मद्य और (९) मांस।२ इनमें मधु, मद्य, मांस और नवनीत—ये चार महाविकृतियां हैं।

जिन वस्तुओं से जीभ और मन विकृत होते हैं—स्वाद-लोलुप या विषय-लोलुप बनते हैं, उन्हें 'विकृति' कहा जाता है। पंडित आशाधरजी ने इसके चार प्रकार बतलाए हैं—

(१) गोरस विकृति—दूध, दही, घृत, मक्खन आदि।

(२) इक्षु-रस विकृति—गुड़, चीनी आदि।

(३) फल-रस विकृति—अंगूर, आम आदि फलों का रस।

(४) धान्य-रस विकृति—तैल, मांड आदि।

स्वादिष्ट भोजन को भी विकृति कहा जाता है। इसलिए रस-परित्याग करने वाला शाक, व्यंजन, नमक आदि का भी वर्जन करता है। मूलाराधना के अनुसार दूध, दही, घृत, तैल और गुड़—इनमें से किसी एक का अथवा इन सबका परित्याग करना 'रस-परित्याग' है तथा 'अवगाहिम विकृति' (मिठाई) पूड़े पत्र-शाक, दाल, नमक आदि का त्याग भी रस-परित्याग है।

रस-परित्याग करने वाले मुनि के लिए निम्‍न प्रकार के भोजन का विधान है—

(१) अरस आहार—स्वाद-रहित भोजन।

(२) अन्यवेलाकृत—ठंडा भोजन।

(३) शुद्धौदन—शाक आदि से रहित कोरा भात।

(४) रूखा भोजन—घृत-रहित भोजन।

(५) आयंबिल—अम्ल-रस-सहित भोजन।

(६) आयामौदन—जिसमें थोड़ा जल और अधिक अन्न- भाग हो, ऐसा आहार अथवा ओसमाण-सहित भात।

(७) विकटौदन—बहुत पका हुआ भात अथवा गर्म-जल मिला हुआ भात।

जो रस-परित्याग करता है, उसके तीन बातें फलित होती हैं—(१) संतोष की भावना, (२) ब्रह्मचर्य की आराधना और (३) वैराग्य।

९. श्‍लोक (२७)

'काय-क्लेश' बाह्य-तप का पांचवां प्रकार है। प्रस्तुत अध्ययन में काय-क्लेश का अर्थ 'वीरासन आदि कठोर आसन' किया गया है। स्थानांग में काय-क्लेश के ७ प्रकार निर्दिष्ट हैं—(१) स्थान—कायोत्सर्ग, (२) ऊकडू आसन, (३) प्रतिमा आसन, (४) वीरासन, (५) निषद्या, (६) दण्डायत आसन और (७) लगण्ड-शयनासन। इनकी सूचना 'वीरासणाईया' इस वाक्यांश में है।

औपपातिक में काय-क्लेश के दस प्रकार बतलाए गए—(१) स्थान—कायोत्सर्ग, (२) ऊकडू आसन, (३) प्रतिमा आसन, (४) वीरासन, (५) निषद्या, (६) आतापना, (७) वस्त्र-त्याग, (८) उकण्डूयन—खाज न करना, (९) अनिष्ठीवन—थूकने का त्याग और (१०) सर्व गात्र परिकर्म विभूषा का वर्जन—देह परिकर्म की उपेक्षा।

आचार्य वसुनन्दि के अनुसार आचाम्ल, निर्विकृति, एकस्थान, उपवास, बेला आदि के द्वारा शरीर को कृश करना 'काय-क्लेश' है।

यह व्याख्या उक्त व्याख्याओं से भिन्न है। वैसे तो उपवास आदि करने में काया को क्लेश होता है, किन्तु भोजन से संबंधित—अनशन, ऊनोदरी, वृत्ति-संक्षेप और रस-परित्याग—चारों बाह्य-तपों से काय-क्लेश का लक्षण भिन्न होना चाहिए। इस दृष्टि से काय-क्लेश की व्याख्या उपवास-प्रधान न होकर अनासक्ति-प्रधान होनी चाहिए। शरीर के प्रति निर्ममत्व-भाव रखना तथा उसे प्राप्त करने के लिए आसन आदि साधना, उसको संवारने से उदासीन रहना—यह काय-क्लेश का मूल-स्पर्शी अर्थ होना चाहिए।

द्वितीय अध्ययन में जो परीषह बतलाए गए हैं, उनसे यह भिन्न है। काय-क्लेश स्वयं इच्छानुसार किया जाता है और परीषह समागत कष्ट होता है।

श्रुतसागर गणि के अनुसार ग्रीष्म ऋतु में धूप में, शीत ऋतु में खुले स्थान में और वर्षा ऋतु में वृक्ष के नीचे सोना, नाना प्रकार की प्रतिमाएं और आसन करना 'काय-क्लेश' है।

मूलाराधना में काय-क्लेश के पांच विभाग किए गए हैं—

(१) गमन योग

(क) अनुसूर्य गमन—कड़ी धूप में पूर्व से पश्‍चिम की ओर जाना।

(ख) प्रतिसूर्य गमन—पश्‍चिम से पूर्व की ओर जाना।

(ग) ऊर्ध्वसूर्य गमन—मध्याह्न सूर्य में गमन करना।

(घ) तिर्यक्सूर्य गमन—सूर्य तिरछा हो तब गमन करना।

(ङ) उद्भ्रमक गमन—अवस्थित ग्राम से भिक्षा के लिए दूसरे गांव में जाना।

(च) प्रत्यागमन—दूसरे गांव जाकर पुन: अवस्थित गांव में लौट आना।

(२) स्थान योग

श्‍वेताम्बर-साहित्य में 'ठाणाइय' पाठ मिलता है और कहीं-कहीं 'ठाणायत' की अपेक्षा 'ठाणाइय' अधिक अर्थ-सूचक है। बृहत्कल्प भाष्य की वृत्ति में स्थान के साथ लगे आदि शब्द को निषीदन व शयन का ग्राहक बताया गया है।

औपपातिक में भी तप के प्रकरण में 'ठाणाइय' है। उसका भी स्पष्ट अर्थ लब्ध नहीं है। मूलाराधना को देखने से सहज ही यह प्राप्त होता है कि आदि शब्द स्थान के प्रकारों का संग्राहक है। उसके अनुसार स्थान या ऊर्ध्वस्थान के सात प्रकार हैं—

(क) साधारण—स्तम्भ या भित्ति का सहारा लेकर खड़े होना।

(ख) सविचार—पूर्वावस्थित स्थान से दूसरे स्थान में जाकर प्रहर, दिवस आदि तक खड़े रहना।

(ग) सनिरुद्ध—स्व-स्थान में खड़े रहना।

(घ) व्युत्सर्ग—कायोत्सर्ग करना।

(ङ) समपाद—पैरों को सटा कर खड़े रहना।

(च) एकपाद—एक पैर से खड़े रहना।

(छ) गृद्धोड्डीन—आकाश में उड़ते समय गीध जैसे अपने पंख फैलाता है, वैसे अपनी बाहों को फैला कर खड़े रहना।

(३) आसन योग

(क) पर्यंक—दोनों जंघाओ के अधोभाग को दोनों पैरों पर टिका कर बैठना।

(ख) निषद्या—विशेष प्रकार से बैठना।

(ग) समपद—जंघा और कटि भाग को समान कर बैठना।

(घ) गोदोहिका—गाय को दुहते समय जिस आसन में बैठते हैं, उस आसन में बैठना।

(ङ) उत्कुटिका—ऊकडू बैठना—एड़ी और पुत्तों को ऊंचा रख कर बैठना।

(च) मकरमुख—मगर के मुंह के समान पावों की आकृति बना कर बैठना।

(छ) हस्तिशुंडि—हाथी की सूंड की भांति एक पैर को फैला कर बैठना।

(ज) गो-निषद्या—दोनों जंघाओं को सिकोड़ कर गाय की तरह बैठना।

(झ) अर्धपर्यंक—एक जंघा के अधोभाग को एक पैर पर टिका कर बैठना।

(ञ) वीरासन—दोनों जंघाओं को अन्तर से फैला कर बैठना।

(ट) दण्डायत—दण्ड की तरह पैरों को फैला कर बैठना।

(४) शयन योग—

(क) ऊर्ध्व शयन—ऊंचा होकर सोना।

(ख) लगंड शयन—वक्र काष्ठ की भांति एड़ियों और शिर को भूमि से सटा कर शेष शरीर को ऊपर उठा कर सोना अथवा पीठ को भूमि से सटा कर शेष शरीर को ऊपर उठा कर सोना।

(ग) उत्तान शयन—सीधा लेटना।

(घ) अवमस्तक शयन—औंधा लेटना।

(ङ) एकपार्श्‍वशयन—दाईं या बाईं करवट लेटना।

(च) मृतक शयन—शवासन।

(५) अपरिकर्म योग—

(क) अभ्रावकाश शयन—खुले आकाश में सोना।

(ख) अनिष्ठीवन—नहीं थूकना।

(ग) अकण्डूयन—नहीं खुजलाना।

(घ) तृण-फलक-शिला-भूमि-शय्या—घास, काठ के फलक, शिला और भूमि पर सोना।

(ङ) केश लोच—बालों को हाथ से नोंचना।

(च) अभ्युत्थान—रात को जागना।

(छ) अस्‍नान—स्‍नान नहीं करना।

(ज) अदन्तधावन—दतौन नहीं करना।

(झ) शीत-उष्ण, आतापना, गर्मी और धूप सहन करना।

स्थान (आसन) तालिका

उत्तराध्ययन, स्थानांग और औपपातिक में स्थान-शब्द का विवरण मूलाराधना के स्थान-योग में मिलता है। स्थानांग में ७, औपपातिक में ८, बृहत्कल्प में १२ और दशाश्रुतस्कन्ध में १० आसनों का उल्लेख मिलता है। मूलाराधना में इक्कीस, ज्ञानर्णव में सात, योगशास्त्र में नौ, प्रवचनसारोद्धार में दस तथा अमितगति श्रावकाचार में पांच आसनों का उल्लेख है—

स्थानांग, (७।४९)

कायोत्सर्ग, उत्कटुकासन, प्रतिमासन, वीरासन, निषद्या, दण्डायतासन और लगण्डशयनासन।

औपपातिक, (३६)

कायोत्सर्ग, उत्कटुकासन, प्रतिमासन, वीरासन, निषद्या, दण्डायत, लगण्डशयन और आतापनासन।

बृहत्कल्प, (५१९-३०)

समपादिका, कायोत्सर्ग, प्रतिमासन, निषद्या, उत्कटुकासन, वीरासन, दण्डासन, लगण्डशयन, अधोमुखासन, उत्तानशयन, आम्रकुब्जिका और एकपार्श्‍वशयन।

दशाश्रुतस्कन्ध, (७)

उत्तानशयन, पार्श्‍वशयन, निषद्या, दण्डायतासन, लगण्डशयन, उत्कटुकासन, कायोत्सर्ग, गो-दोहिकासन, वीरासन और आम्रकुब्जासन।

मूलाराधना

व्युत्सर्ग, समपाद, एकपाद, गृद्धोकृीन, पर्यङ्क, निषद्या, समपद, गो-दोहिका, उत्कुटिका, मकरमुख, हस्तिशुंडि, गो-निषद्या, अर्धपर्यङ्क, वीरासन, दण्डायतशयन, ऊर्ध्वशयन, लगण्डशयन, उत्तानशयन, अवमस्तकशयन, एकपार्श्‍वशयन और मृतकशयन—शवासन।

ज्ञानार्णव, (२८। १०)

पर्यङ्कासन, अर्द्धपर्यङ्कासन, वज्रासन, वीरासन, सुखासन, पद्मासन और कायोत्सर्ग।

योगशास्त्र (४। १२४)

पर्यङ्कासन, वीरासन, वज्रासन, पद्मासन, भद्रासन, दण्डासन, उत्कटुकासन, गोदोहिकासन और कायोत्सर्ग।

प्रवचनसारोद्वार, (५८३-५८५)

उत्तानशयन, पार्श्‍वशयन, निषद्या, कायोत्सर्ग, उत्कटुक, लगण्डशयन, दण्डायतासन, गोदोहिकासन, वीरासन और आम्रकुब्ज।

अमितगति श्रावकाचार (८।४५-४८)

पद्मासन, पर्यङ्कासन, वीरासन, उत्कटुकासन और गवासन।

निषद्या के भेद निम्‍न प्रकार उपलब्ध हैं :

स्थानङ्ग (५।५०)—बृहत्कल्प भाष्य (गाथा ५९५३)

उत्कटुका—समपादपुता

गो-दोहिका —गो-निषधिका

समपादपुता—हस्तिशुण्डिका

पर्यङ्का—पर्यङ्का

अर्धपर्यङ्का—अर्धपर्यङ्का

औपपातिक (सूत्र ३६, वृत्ति पृ० ७५, ७६) में आतापनासन के भेदोपभेद इस प्रकार मिलते हैं :

१०. (श्‍लोक २८)

इस श्‍लोक में छठे बाह्य-तप की परिभाषा की गई है। आठवें श्‍लोक में बाह्य-तप का छट्ठा प्रकार 'संलीनता' बतलाया गया है और इस श्‍लोक में उसका नाम 'विविक्त-शयनासन' है। भगवती (२५।५५८) में छट्ठा प्रकार 'प्रतिसंलीनता' है। तत्त्वार्थ सूत्र (९-१९) में विविक्त-शयनासन बाह्य-तप का पांचवां प्रकार है। मूलाराधना (३।२०८) में विविक्त-शय्या बाह्य-तप का छट्ठा प्रकार है। इस प्रकार कुछ ग्रन्थों में संलीनता या प्रतिसंलीनता और कुछ ग्रन्थों में विविक्त-शय्यासन या विविक्त-शय्या का प्रयोग मिलता है। किन्तु औपपातिक के आधार पर यह कहा जा सकता है कि मूल शब्द 'प्रतिसंलीनता' है। विविक्त-शयनासन उसी का एक अवांतर भेद है।

प्रतिसंलीनता चार प्रकार की होती है—(१) इन्द्रिय- प्रतिसंलीनता, (२) कषाय-प्रतिसंलीनता, (३) योग-प्रतिसंलीनता और (४) विविक्त-शयनासन-सेवन।

प्रस्तुत अध्ययन में संलीनता की परिभाषा केवल विविक्त-शयनासन के रूप में की गई, यह आश्‍चर्य का विषय है। हो सकता है सूत्रकार इसी को महत्त्व देना चाहते हों।

तत्त्वार्थ सूत्र आदि उत्तरवर्ती ग्रन्थों में इसी का अनुसरण है। विविक्त-शयनासन का अर्थ मूलपाठ में स्पष्ट है।

मूलाराधना के अनुसार शब्द, रस, गन्ध और स्पर्श के द्वारा चित्त-विक्षेप नहीं होता, स्वाध्याय और ध्यान में व्याघात नहीं होता, वह 'विविक्त-शय्या' है। जहां स्त्री-पुरुष और नपुंसक न हों, वह विविक्त-शय्या है। भले फिर उसके द्वार खुले हों या बन्द, उसका प्रांगण सम हो या विषम, वह गांव के बाह्य-भाग में हो या मध्य भाग में शीत हो या ऊष्ण।

विविक्त-शय्या के कुछ प्रकार ये हैं—शून्य-गृह, गिरि-गुफा, वृक्ष-मूल, आगन्तुक-आगार (विश्राम-गृह), देव-कुल, अकृत्रिम- शिला-गृह और कूट-गृह।

विविक्त-शय्या में रहने से इतने दोषों से सहज ही बचाव हो जाता है—(१) कलह, (२) बोल (शब्द बहुलता), (३) झंझा (संक्लेश), (४) व्यामोह, (५) सांकर्य (असंयिमों के साथ मिश्रण),(६) ममत्व और (७) ध्यान और स्वाध्याय का व्याघात।

११. (श्‍लोक ३१)

प्रायश्‍चित्त आभ्यन्तर-तप का पहला प्रकार है। उसके दस भेद हैं—

(१) आलोचना-योग्य—गुरु के समक्ष अपने दोषों का निवेदन करना।

(२) प्रतिक्रमण-योग्य—किए हुए पापों से निवृत्त होने के लिए 'मिथ्या मे दुष्कृतम्' 'मेरे सब पाप निष्फल हों'—ऐसा कहना, कायोत्सर्ग आदि करना तथा भविष्य में पाप-कार्यों से दूर रहने के लिए सावधान रहना।

(३) तदुभय-योग्य—पाप से निवृत्त होने के लिए आलोचना और प्रतिक्रमण—दोनों करना।

(४) विवेक-योग्य—आए हुए अशुद्ध-आहार आदि का उत्सर्ग करना।

(५) व्युत्सर्ग-योग्य—चौबीस तीर्थङ्करों की स्तुति के साथ कायोत्सर्ग करना।

(६) तप-योग्य—उपवास, बेला आदि करना।

(७) छेद-योग्य—पाप-निवृत्ति के लिए संयम-काल को छेद कर कम कर देना।

(८) मूल-योग्य—पुन: व्रतों में आरोपित करना—नई दीक्षा देना।

(९) अनवस्थापना-योग्य—तपस्या पूर्वक नई दीक्षा देना।

(१०) पारांचित-योग्य—भर्त्सना एवं अवहेलना पूर्वक नई दीक्षा देना।

१२. (श्‍लोक ३२)

विनय आभ्यन्तर-तप का दूसरा प्रकार है। प्रस्तुत श्‍लोक में उसके प्रकारों का निर्देश नहीं है। स्थानांग (७।१३०), भगवती (२५।५८२) और औपपातिक (सूत्र ४०) में विनय के सात भेद बतलाए गए हैं—

(१) ज्ञान-विनय—ज्ञान के प्रति भक्ति, बहुमान आदि करना।

(२) दर्शन-विनय—गुरु की शुश्रूषा करना, आशातना न करना।

(३) चरित्र-विनय—चारित्र का यथार्थ प्ररूपण और अनुष्ठान करना।

(४) मनो-विनय—अकुशल-मन का निरोध और कुशल की प्रवृत्ति।

(५) वचन-विनय—अकुशल-वचन का निरोध और कुशल की प्रवृत्ति।

(६) काय-विनय—अकुशल-काय का निरोध और कुशल की प्रवृत्ति।

(७) लोकोपचार-विनय—लोक-व्यवहार के अनुसार विनय करना।

तत्त्वार्थ सूत्र (९।२३) में विनय के प्रकार चार ही बतलाए गए हैं—(१) ज्ञान-विनय, (२) दर्शन-विनय, (३) चारित्र- विनय और (४) उपचार-विनय।

१३. (श्‍लोक ३३)

वैयावृत्त्य आभ्यन्तर-तप का तीसरा प्रकार है। स्थानांग (१०।१७) के आधार पर उसके दस प्रकार हैं—(१) आचार्य का वैयावृत्त्य, (२) उपाध्याय का वैयावृत्त्य, (३) स्थविर का वैयावृत्त्य, (४) तपस्वी का वैयावृत्त्य, (५) ग्लान का वैयावृत्त्य, (६) शैक्ष (नव- दीक्षित) का वैयावृत्त्य, (७) कुल का वैयावृत्त्य, (८) गण का वैयावृत्त्य, (९) संघ का वैयावृत्त्य और (१०) साधर्मिक का वैयावृत्त्य।

भगवती (२५।५९८) और औपपातिक (सूत्र ४१) के वर्गीकरण का क्रम उपर्युक्त क्रम से कुछ भिन्न है। वह इस प्रकार है : (१) आचार्य का वैयावृत्त्य, (२) उपाध्याय का वैयावृत्त्य, (३) शैक्ष का वैयावृत्त्य, (४) ग्लान का वैयावृत्त्य, (५) तपस्वी का वैयावृत्त्य, (६) स्थविर का वैयावृत्त्य, (७) साधर्मिक का वैयावृत्त्य, (८) कुल का वैयावृत्त्य, (९) गण का वैयावृत्त्य, (१०) संघ का वैयावृत्त्य।

तत्त्वार्थ सूत्र (९।२४) में ये कुछ परिवर्तन के साथ मिलते हैं—(१) आचार्य का वैयावृत्त्य, (२) उपाध्याय का वैयावृत्त्य, (३) तपस्वी का वैयावृत्त्य, (४) शैक्ष का वैयावृत्त्य, (५) ग्लान का वैयावृत्त्य, (६) गण का वैयावृत्त्य (गण—श्रुत-स्थविरों की परम्परा का संस्थान)१, (७) कुल का वैयावृत्त्य (एक आचार्य का साधु- समुदाय 'गच्छ' कहलाता है। एक जातीय अनेक गच्छों को 'कुल' कहा जाता है।)२, (८) संघ का वैयावृत्त्य (संघ अर्थात् साधु, साध्वी, श्रावक और श्राविका)३, (९) साधु का वैयावृत्त्य और (१०) समनोज्ञ का वैयावृत्त्य। (समान सामाचारी वाले तथा एक मण्डली में भोजन करने वाले साधु 'समनोज्ञ' कहलाते हैं)।

इस वर्गीकरण में स्थविर और साधर्मिक—ये दो प्रकार नहीं हैं। उनके स्थान पर साधु और समनोज्ञ—ये दो प्रकार हैं। गण और कुल की भांति संघ का अर्थ भी साधु-परक ही होना चाहिए। ये दसों प्रकार केवल साधु-समूह के विविध पदों या रूपों से सम्बद्ध हैं।

१४. (श्‍लोक ३४)

स्वाध्याय आभ्यन्तर-तप का चौथा प्रकार है। उसके पांच भेद हैं—(१) वाचना, (२) प्रच्छना, (३) परिवर्तना, (४) अनुप्रेक्षा और (५) धर्मकथा। देखें—२९।१८ का टिप्पण।

तत्त्वार्थ सूत्र (९।२५) में इनका क्रम और एक नाम भी भिन्न है—(१) वाचना, (२) प्रच्छना, (३) अनुप्रेक्षा, (४) आम्‍नाय और (५) धर्मोपदेश।

इनमें परिवर्तना के स्थान में 'आम्‍नाय' है। आम्‍नाय का अर्थ है 'शुद्ध उच्चारण पूर्वक बार-बार पाठ करना'।

परिवर्तना या आम्‍नाय को अनुप्रेक्षा से पहले रखना अधिक उचित लगता है। स्वाध्याय के प्रकारों में एक क्रम है—आचार्य शिष्यों को पढ़ाते हैं, यह वाचना है। पढ़ते समय या पढ़ने के बाद शिष्य के मन में जो जिज्ञासाएं उत्पन्न होती हैं, उन्हें वह आचार्य के सामने प्रस्तुत करता है, यह प्रच्छना है। आचार्य से प्राप्त श्रुत को याद रखने के लिए वह बार-बार उसका पाठ करता है, यह परिवर्तना है। परिचित श्रुत का मर्म समझने के लिए वह उसका पर्यालोचन करता है, यह अनुप्रेक्षा है। पठित, परिचित और पर्यालोचित श्रुत का उपदेश करता है, यह धर्मकथा है। इस क्रम में परिवर्तना का स्थान अनुप्रेक्षा से पहले प्राप्त होता है।

सिद्धसेन गणि के अनुसार अनुप्रेक्षा का अर्थ है 'ग्रन्थ और अर्थ का मानसिक अभ्यास करना।' इसमें वर्णों का उच्चारण नहीं होता और आम्‍नाय में वर्णों का उच्चारण होता है, यही इन दोनों में अन्तर है। अनुप्रेक्षा के उक्त अर्थ के अनुसार उसे आम्‍नाय से पूर्व रखना भी अनुचित नहीं है।

आम्‍नाय, घोषविशुद्ध, परिवर्तन, गुणन और रूपादान—ये आम्‍नाय या परिवर्तना के पर्यायवाची शब्द हैं।

अर्थोपदेश, व्याख्यान, अनुयोग-वर्णन, धर्मोपदेश—ये धर्मोपदेश या धर्मकथा के पर्यायवाची शब्द हैं।

१५. (श्‍लोक ३५)

ध्यान आभ्यन्तर-तप का पांचवां प्रकार है। तत्त्वार्थ सूत्र के अनुसार व्युत्सर्ग पांचवा और ध्यान छठा प्रकार है।९ ध्यान से पूर्व व्युत्सर्ग किया जाता है, इस दृष्टि से यह क्रम उचित है और व्युत्सर्ग ध्यान के बिना भी किया जाता है।१० उसका स्वतंत्र महत्त्व भी है, इसलिए उसे ध्यान के बाद भी रखा जाता है।

ध्यान की परिभाषा

चेतना की दो अवस्थाएं होती हैं—चल और स्थिर। चल चेतना को 'चित्त' कहा जाता है। उसके तीन प्रकार हैं—

(१) भावना—भाव्य विषय पर चित्त को बार-बार लगाना।

(२) अनुप्रेक्षा—ध्यान से विरत होने पर भी उससे प्रभावित मानसिक चेष्टा।

(३) चिन्ता—सामान्य मानसिक चिन्ता।

स्थिर चेतना को 'ध्यान' कहा जाता है। जैसे अपरिस्पंदमान अग्‍नि-ज्वाला 'शिखा' कहलाती है, वैसे ही अपरिस्पन्दमान ज्ञान 'ध्यान' कहलाता है।

एकाग्र-चिन्तन को भी ध्यान कहा जाता है। चित्त अनेक वस्तुओं या विषयों में प्रवृत्त होता रहता है, उसे अन्य वस्तुओं या विषयों से निवृत्त कर एक वस्तु या विषय में प्रवृत्त करना भी ध्यान है।

मन, वचन और काया की स्थिरता को भी ध्यान कहा जाता है। इसी व्युत्पत्ति के आधार पर ध्यान के तीन प्रकार होते हैं—

(१) मानसिक-ध्यान—मन की निश्‍चलता—मनो-गुप्ति।

(२) वाचिक-ध्यान—मौन—वचन-गुप्ति।

(३) कायिक-ध्यान—काया की स्थिरता—काय-गुप्ति।

छद्मस्थ व्यक्ति के एकाग्र-चिन्तनात्मक-ध्यान होता है और प्रवृत्ति-निरोधात्मक-ध्यान केवली के होता है। छद्मस्थ के प्रवृत्ति- निरोधात्मक-ध्यान केवली जितना विशिष्ट भले ही न हो, किन्तु अंशत: होती ही है।

ध्यान के प्रकार

एकाग्र-चिन्तन को 'ध्यान' कहा जाता है। इस व्युत्पत्ति के आधार पर उसके चार प्रकार हैं—(१) आर्त्त, (२) रौद्र, (३) धर्म्य और (४) शुक्ल।

(१) आर्त्तध्यान

(क) कोई पुरुष अमनोज्ञ संयोग से संयुक्त होने पर उस (अमनोज्ञ विषय) के वियोग का चिन्तन करता है—यह पहला प्रकार है।

(ख) कोई पुरुष मनोज्ञ संयोग से संयुक्त है, वह उस (मनोज्ञ विषय) के वियोग न होने का चिन्तन करता है—यह दूसरा प्रकार है।

(ग) कोई पुरुष आतंक (सद्योघाती रोग) के संयोग से संयुक्त होने पर उस (आतंक) के वियोग का चिन्तन करता है—यह तीसरा प्रकार है।

(घ) कोई पुरुष प्रीतिकर काम-भोग के संयोग से संयुक्त है, वह उस (काम-भोग) के वियोग न होने का चिन्तन करता है—यह चौथा प्रकार है।

आर्त्तध्यान के चार लक्षण हैं—आक्रन्द करना, शोक करना, आंसू बहाना, विलाप करना।

(२) रौद्रध्यान

चेतना की क्रूरतामय एकाग्र-परिणति को 'रौद्रध्यान' कहा जाता है। उसके चार प्रकार हैं—

(क) हिंसानुबन्धी—जिसमें हिंसा का अनुबन्ध—हिंसा में सतत प्रवर्तन हो।

(ख) मृषानुबन्धी—जिसमें मृषा का अनुबन्ध—मृषा में सतत प्रवर्तन हो।

(ग) स्तेयानुबन्धी—जिसमें चोरी का अनुबन्ध—चोरी में सतत प्रवर्तन हो।

(घ) संरक्षणानुबन्धी—जिसमें विषय के साधनों के संरक्षण का अनुबन्ध—विषय के साधनों के संरक्षण में सतत प्रवर्तन हो।

रौद्रध्यान के चार लक्षण हैं—

(क) अनुपरत दोष—प्राय: हिंसा आदि से उपरत न होना।

(ख) बहु दोष—हिंसा आदि की विविध प्रवृत्तियों में संलग्‍न रहना।

(ग) अज्ञान दोष—अज्ञानवश हिंसा आदि में प्रवृत्त होना।

(घ) आमरणान्त दोष—मरणान्त तक हिंसा आदि करने का अनुताप न होना।

ये दोनों ध्यान पापाश्रव के हेतु हैं, इसलिए इन्हें 'अप्रशस्त-ध्यान' कहा जाता है। इन दोनों को एकाग्रता की दृष्टि से ध्यान की कोटि में रखा गया है, किन्तु साधना की दृष्टि से आर्त्त और रौद्र परिणतिमय एकाग्रता के विघ्न ही है।

मोक्ष के हेतुभूत ध्यान दो ही हैं—(१) धर्म्य और (२) शुक्ल। इनसे आश्रव का निरोध होता है, इसलिए इन्हें 'प्रशस्त- ध्यान' कहा जाता है।

(३) धर्म्यध्यान

वस्तु-धर्म या सत्य की गवेषणा में परिणत चेतना की एकाग्रता को 'धर्म्य-ध्यान' कहा जाता है। इसके चार प्रकार हैं—

(क) आज्ञा-विचय—प्रवचन के निर्णय में संलग्‍न चित्त।

(ख) अपाय-विचय—दोषों के निर्णय में संलग्‍न चित्त।

(ग) विपाक-विचय—कर्म-फलों के निर्णय में संलग्‍न चित्त।

(घ) संस्थान-विचय—विविध पदार्थों के आकृति-निर्णय में संलग्‍न चित्त।

धर्म्यध्यान के चार लक्षण हैं—

(क) आज्ञा-रुचि—प्रवचन में श्रद्धा होना।

(ख) निसर्ग-रुचि—सहज ही सत्य में श्रद्धा होना।

(ग) सूत्र-रुचि—सूत्र-पठन के द्वारा श्रद्धा उत्पन्न होना।

(घ) अवगाढ़-रुचि—विस्तार से सत्य की उपलब्धि होना।

धर्म्यध्यान के चार आलम्बन हैं—

(क) वाचना—पढ़ाना।

(ख) प्रतिप्रच्छना—शंका-निवारण के लिए प्रश्‍न करना।

(ग) परिवर्तना—पुनरावर्तन करना।

(घ) अनुप्रेक्षा—अर्थ का चिन्तन करना।

धर्म्यध्यान की चार अनुप्रेक्षाएं हैं—

(क) एकत्व-अनुप्रेक्षा—अकेलेपन का चिन्तन करना।

(ख) अनित्य-अनुप्रेक्षा—पदार्थों की अनित्यता का चिन्तन करना।

(ग) अशरण-अनुप्रेक्षा—अशरण-दशा का चिन्तन करना।

(घ) संसार-अनुप्रेक्षा—संसार-परिभ्रमण का चिन्तन करना।

(४) शुक्लध्यान

चेतना की सहज (उपाधि-रहित) परिणति को 'शुक्लध्यान' कहा जाता है। उसके चार प्रकार हैं—

(क) पृथक्त्व-वितर्क-सविचारी,

(ख) एकत्व-वितर्क-अविचारी,

(ग) सूक्ष्म-क्रिया-अनिवृत्ति,

(घ) समुच्छिन्न-क्रिया-अप्रतिपाति।

ध्यान के विषय द्रव्य और उसके पर्याय हैं। ध्यान दो प्रकार का होता है—सालम्बन और निरालम्बन। ध्यान में सामग्री का परिवर्तन भी होता है और नहीं भी होता है—भेद-दृष्टि से और अभेद-दृष्टि से।

जब एक द्रव्य के अनेक पर्यायों का अनेक दृष्टियों—नयों से चिन्तन किया जाता है और पूर्व-श्रुत का आलम्बन लिया जाता है तथा शब्द से अर्थ में और अर्थ से शब्द में एवं मन, वचन और काया में से एक दूसरे में संक्रमण किया जाता है, शुक्लध्यान की उस स्थिति को 'पृथक्त्व-वितर्क-सविचारी' कहा जाता है।

जब एक द्रव्य या किसी एक पर्याय का अभेद-दृष्टि से चिन्तन किया जाता है और पूर्व-श्रुत का आलम्बन लिया जाता है तथा जहां शब्द, अर्थ एवं मन, वचन और काया में से एक दूसरे से संक्रमण किया जाता है, शुक्लध्यान की उस स्थिति को 'एकत्व-वितर्क-अविचारी' कहा जाता है।

जब सूक्ष्म क्रिया का भी निरोध हो जाता है, उस अवस्था को 'समुच्छिन्न-क्रिया' कहा जाता है। इसका पतन नहीं होता, इसलिए यह अप्रतिपात है।

शुक्लध्यान के चार लक्षण—

(क) अव्यथ—क्षोभ का अभाव।

(ख) असम्मोह—सूक्ष्म-पदार्थ-विषयक मूढ़ता का अभाव।

(ग) विवेक—शरीर और आत्मा के भेद का ज्ञान।

(घ) व्युत्सर्ग—शरीर और उपधि में अनासक्त-भाव।

शुक्लध्यान के चार आलंबन—

(१) क्षान्ति—क्षमा, (२) मुक्ति—निर्लोभता, (३) मार्दव—मृदुता और (४) आर्जव—सरलता।

शुक्लध्यान की चार अनुप्रेक्षाएं—

(क) अनन्तवृत्तिता-अनुप्रेक्षा—संसार-परम्परा का चिन्तन करना।

(ख) विपरिणाम-अनुप्रेक्षा—वस्तुओं के विविध परिणामों का चिन्तन करना।

(ग) अशुभ-अनुप्रेक्षा—पदार्थों की अशुभता का चिन्तन करना।

(घ) अपाय-अनुप्रेक्षा—दोषों का चिन्तन करना।

१६. विउस्सग्गो (श्‍लोक ३६)

व्युत्सर्ग आभ्यन्तर-तप का छठा प्रकार है। भगवती (२५।६१३) और औपपातिक (सू० ४४) के अनुसार व्युत्सर्ग दो प्रकार का होता है—द्रव्य-व्युत्सर्ग और भाव-व्युत्सर्ग।

द्रव्य-व्युत्सर्ग के चार प्रकार—

(क) शरीर-व्युत्सर्ग—शारीरिक चंचलता का विसर्जन।

(ख) गण-व्युत्सर्ग—विशिष्ट साधना के लिए गण का विसर्जन।

(ग) उपधि-व्युत्सर्ग—वस्त्र आदि उपकरणों का विसर्जन।

(घ) भक्त-पान-व्युत्सर्ग—भोजन और जल का विसर्जन।

भाव व्युत्सर्ग के तीन प्रकार—

(क) कषाय-व्युत्सर्ग—क्रोध आदि का विसर्जन।

(ख) संसार-व्युत्सर्ग—परिभ्रमण का विसर्जन।

(ग) कर्म-व्युत्सर्ग—कर्म-पुद्गलों का विसर्जन।

प्रस्तुत श्‍लोक में केवल काय-व्युत्सर्ग की परिभाषा दी गई है। इसका दूसरा नाम 'कायोत्सर्ग' है। कायोत्सर्ग का अर्थ है 'काया का उत्सर्ग—त्याग'।

प्रश्‍न होता है कि आयु पूर्ण होने से पहले काया का उत्सर्ग कैसे हो सकता है? यह सही है, जब तक आयु शेष रहती है, तब तक काया का उत्सर्ग—त्याग नहीं किया जा सकता। किन्तु यह काया अशुचि है, अनित्य है, दोषपूर्ण है, असार है, दु:ख-हेतु है, इसमें ममत्व रखना दु:ख का मूल है—इस बोध से भेद-ज्ञान प्राप्त होता है। जिसे भेद-ज्ञान प्राप्त होता है, वह सोचता है कि यह शरीर मेरा नहीं है, मैं इसका नहीं हूं। मैं भिन्न हूं, शरीर भिन्न है। इस प्रकार का संकल्प करने से शरीर के प्रति आदर घट जाता है। इस स्थिति का नाम है 'कायोत्सर्ग'। एक घर में रहने पर भी पति द्वारा अनादृत पत्‍नी 'परित्यक्ता' कहलाती है। जिस वस्तु के प्रति जिस व्यक्ति के हृदय में अनादर-भाव होता है, वह उसके लिए परित्यक्त होती है। जब काया में ममत्व नहीं रहता, आदर-भाव नहीं रहता तब काया परित्यक्त हो जाती है।

कायोत्सर्ग-विधि

जो कायोत्सर्ग करना चाहे, वह काया से निस्पृह होकर खम्भे की भांति सीधा खड़ा हो जाए। दोनों बाहों को घुटनों की ओर फैला दे, प्रशस्त ध्यान में निमग्‍न हो जाए। काया को न अकड़ा कर खड़ा हो और न झुका कर भी। परीषह और उपसर्गों को सहन करे। जीव-जन्तु-रहित एकांत स्थान में खड़ा रहे और कायोत्सर्ग मुक्ति के लिए करे।

कायोत्सर्ग का मुख्य उद्देश्य है आत्मा का काया से वियोजन। काया के साथ आत्मा का जो संयोग है, उसका मूल है प्रवृत्ति। जो इनका विसंयोग चाहता है अर्थात् आत्मा के सान्निध्य में रहना चाहता है, वह स्थान, मौन और ध्यान के द्वारा ''स्व'' का व्युत्सर्ग करता है।

स्थान—काया की प्रवृत्ति का स्थिरीकरण—काय-गुप्ति।

मौन—वाणी की प्रवृत्ति का स्थिरीकरण—वाक्-गुप्ति।

ध्यान—मन की प्रवृत्ति का एकाग्रीकरण—मनो-गुप्ति।

कायोत्सर्ग में श्‍वासोच्छ्वास जैसी सूक्ष्म प्रवृत्ति होती है, शेष प्रवृत्ति का निरोध किया जाता है।

कायोत्सर्ग के प्रकार

कायोत्सर्ग चार प्रकार का होता है—

(१) उत्थित-उत्थित—जो खड़ा-खड़ा कायोत्सर्ग करता है और धर्म्य या शुक्ल ध्यान में लीन होता है, वह काया से भी उन्नत होता है और ध्यान से भी उन्नत होता है, इसलिए उसके कायोत्सर्ग को 'उत्थित-उत्थित' कहा जाता है।

(२) उत्थित-उपविष्ट—जो खड़ा-खड़ा कायोत्सर्ग करता है, किन्तु आर्त्त और रौद्र ध्यान से अवनत होता है, वह काया से खड़ा हुआ होता है और ध्यान से बैठा हुआ होता है, इसलिए उसके ध्यान को 'उत्थित-उपविष्ट' कहा जाता है।

(३) उपविष्ट-उत्थित—जो बैठकर कायोत्सर्ग करता है और धर्म्य या शुक्ल ध्यान में लीन होता है, वह काया से बैठा हुआ होता है और ध्यान से खड़ा होता है, इसलिए उसके कायोत्सर्ग को 'उपविष्ट-उत्थित' कहा जाता है।

(४) उपविष्ट-उपविष्ट—जो बैठकर कायोत्सर्ग करता है और आर्त्त या रौद्र ध्यान में लीन होता है, वह काया और ध्यान—दोनों से बैठा हुआ होता है, इसलिए उसके कायोत्सर्ग को 'उपविष्ट-उपविष्ट' कहा जाता है।

इसमें प्रथम और तृतीय अंगीकरणीय हैं और शेष दो त्याज्य हैं।

आचार्य हेमचन्द्र के अनुसार कायोत्सर्ग खड़े, बैठे और सोते—इन तीनों अवस्थाओं में किया जा सकता है। इस भाषा में 'कायोत्सर्ग' और 'स्थान' दोनों एक बन जाते हैं। प्रयोजन की दृष्टि से कायोत्सर्ग के दो प्रकार हैं—

(१) चेष्टा-कायोत्सर्ग—अतिचार शुद्धि के लिए जो किया जाता है।

(२) अभिभव-कायोत्सर्ग—विशेष विशुद्धि या प्राप्त कष्ट को सहने के लिए जो किया जाता है।

चेष्टा-कायोत्सर्ग का काल उच्छ्वास पर आधृत है। विभिन्न प्रयोजनों से वह आठ, पच्चीस, सत्ताईस, तीन सौ, पांच सौ और एक हजार आठ उच्छ्वास तक किया जाता है।

अभिभव-कायोत्सर्ग का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: एक वर्ष का है। बाहुबलि ने एक वर्ष का कायोत्सर्ग किया था।

अतिचार-शुद्धि के लिए किए जाने वाले कायोत्सर्ग के अनेक विकल्प होते हैं—

(१) दैवसिक-कायोत्सर्ग।

(२) रात्रिक-कायोत्सर्ग।

(३) पाक्षिक-कायोत्सर्ग।

(४) चातुर्मासिक-कायोत्सर्ग।

(५) साम्वत्सरिक-कायोत्सर्ग।

कायोत्सर्ग आवश्यक का पांचवां अंग है। ये उक्त कायोत्सर्ग प्रतिक्रमण के साथ किए जाते हैं। इन (कायोत्सर्ग) में चतुर्विंशति-स्तव का ध्यान किया जाता है। उसके सात श्‍लोक और अट्ठाईस चरण हैं। एक उच्छ्वास में एक चरण का ध्यान किया जाता है। कायोत्सर्ग-काल में सातवें श्‍लोक के प्रथम चरण 'चंदेसु निम्मलयरा' तक ध्यान किया जाता है। इस प्रकार एक 'चतुर्विंशति-स्तव' का ध्यान पच्चीस उच्छ्वासों में सम्पन्न होता है। प्रवचनसारोद्धार और विजयोदया के अनुसार इनके ध्येय-परिमाण और काल-मान इस प्रकार है—

प्रवचनसारोद्धार

चतुर्विंशति-स्तवश्‍लोकचरण उच्छ्वास
(१) दैवसिक४२५१००१००
(२) रात्रिक२-५०५०
(३) पाक्षिक१२७५३००३००
(४) चातुर्मासिक२०१२५५००५००
(५) साम्वत्सरिक४०२५२१००८१००८

विजयोदया

चतुर्विंशति-स्तवश्‍लोकचरणउच्छ्वास
(१) दैवसिक४२५१००१००
(२) रात्रिक२-५०५०
(३) पाक्षिक१२ ७५३००३००
(४) चातुर्मासिक१६१००४००४००
(५) साम्वत्सरिक२०१२५५००५००

अमितगति-श्रावकाचार के अनुसार दैवसिक-कायोत्सर्ग में १०८ तथा रात्रिक-कायोत्सर्ग में ५४ उच्छ्वास तक ध्यान किया जाता है और अन्य कायोत्सर्ग में २७ उच्छ्वास तक। २७ उच्छ्वासों में नमस्कार-मंत्र की नौ आवृत्तियां की जाती हैं अर्थात् तीन उच्छ्वासों में एक नमस्कार-मंत्र पर ध्यान किया जाता है—संभव है प्रथम दो-दो वाक्य एक-एक उच्छ्वास में और पांचवां वाक्य एक उच्छ्वास में। अथवा 'ऐसो पंच णमोक्कारो' सहित नौ पदों की तीन आवृत्तियां भी हो सकती हैं—प्रत्येक पद की एक-एक उच्छ्वास में आवृत्ति होने से सत्ताईस उच्छ्वास होते हैं। अमितगति ने एक दिन-रात के कायोत्सर्गों की सारी संख्या अट्ठाईस मानी है।५ वह इस प्रकार है—

(१) स्वाध्याय-काल में—१२

(२) वन्दना-काल में—६

(३) प्रतिक्रमण-काल में—८

(४) योग-भक्ति-काल में— २/२८

पांच महाव्रतों में अतिक्रमणों के लिए १०८ उच्छ्वास का कायोत्सर्ग करना चाहिए।

कायोत्सर्ग करते समय यदि उच्छ्वासों की संख्या विस्मृत हो जाए अथवा मन विचलित हो जाए तो आठ उच्छ्वास का अतिरिक्त कायोत्सर्ग करना चाहिए।

कायोत्सर्ग के दोष प्रवचनसारोद्धार में १९, योगशास्त्र में २१ और विजयोदया में १६ बतलाए गए हैं।

♦

इकतीसवां अध्ययन : (चरण-विधि का निरूपण)

31

इकतीसवां अध्ययन : चरण-विधि

आमुख

इस अध्ययन में मुनि की चरण-विधि का निरूपण हुआ है, इसलिए इसका नाम 'चरणविही'—'चरणविधि' है। चरण का प्रारम्भ यतना से होता है और उसका अन्त पूर्ण निवृत्ति (अक्रिया) में होता है। निवृत्ति के इस उत्कर्ष को प्राप्त करने के लिए जो मध्यवर्ती साधना की जाती है, वह चरण है। मोक्ष प्राप्ति की चार साधनाओं में यह तीसरी साधना है।

प्रवृत्ति और निवृत्ति—ये दोनों साधना के अंग हैं। मन, वचन और काया की गुप्ति का अर्थ है निवृत्ति। मन, वचन और काया के सम्यक् प्रयोग का अर्थ है प्रवृत्ति। चौबीसवें अध्ययन (श्‍लोक २६) में बतलाया गया है कि समितियों से चरण का प्रवर्तन होता है और गुप्तियों से अशुभ अर्थों का निवर्तन होता है—

एयाओ पंच समिईओ, चरणस्स य पवत्तणे।

गुत्ती नियत्तणे वुत्ता, असुभत्थेसु सव्वसो।।

प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों सापेक्ष शब्द हैं। निवृत्ति का अर्थ पूर्ण निषेध नहीं है और प्रवृत्ति का अर्थ पूर्ण विधि नहीं है। प्रत्येक निवृत्ति में प्रवृत्ति और प्रत्येक प्रवृत्ति में निवृत्ति रहती है। इसके अनुसार निवृत्ति का अर्थ होता है—एक कार्य का निषेध और दूसरे कार्य की विधि तथा प्रवृत्ति का अर्थ होता है—एक कार्य की विधि और दूसरे कार्य का निषेध। इसी तथ्य को प्रस्तुत अध्ययन के दूसरे श्‍लोक में प्रतिपादित किया गया है—

एगओ विरइं कुज्जा, एगओ य पवत्तणं।

असंजमे नियत्तिं च, संजमे य पवत्तणं।।

इससे एक यह तथ्य निष्पन्न होता है कि प्रत्येक प्रवृत्ति सम्यक् नहीं होती। किन्तु निवृत्ति में से जो प्रवृत्ति फलित होती है, वही सम्यक् होती है। उसी का नाम चरण-विधि है। इसे साधना-पद्धति भी कहा जा सकता है।

भगवान् महावीर की चरण-विधि का प्रारम्भ संयम से होता है। उसका आचरण करते हुए जिन विषयों को स्वीकार या अस्वीकार करना चाहिए, उन्हीं का इस अध्ययन में सांकेतिक उल्लेख है। किन्तु कुछ विषय ऐसे भी हैं, जिनका संयम-पालन से सम्बन्ध नहीं किन्तु वे ज्ञेयमात्र हैं।

जैसे—परमाधार्मिकों के पन्द्रह प्रकार (श्‍लोक १२) तथा देवताओं के चौबीस प्रकार (श्‍लोक १६)।

ग्यारह उपासक-प्रतिमाओं का भी मुनि के चरण से प्रत्यक्ष सम्बन्ध नहीं है। सम्भव है संख्या-पूर्ति की दृष्टि से इन्हें सम्मिलित किया गया हो।

छेद-सूत्रों के सत्रहवें और अठारहवें श्‍लोक में नामोल्लेख हुआ है। उनकी रचना श्रुत-केवली भद्रबाहु ने की। इससे दो सम्भावनाओं की ओर ध्यान जाता है—

१. उत्तराध्ययन की रचना छेद-सूत्रों की रचना के पश्‍चात् हुई है।

२. उत्तराध्ययन की रचना एक साथ नहीं हुई है।

दूसरा विकल्प ही अधिक सम्भव है।

इस अध्ययन के आदि के दो श्‍लोकों तथा अन्त के एक श्‍लोक को छोड़कर शेष १८ श्‍लोकों में ''जे भिक्खू...निच्चं, से न अच्छइ मंडले''—ये दो चरण समान हैं। इनके अध्ययन से भिक्षु के स्वरूप का सहज ज्ञान हो जाता है। साथ-साथ संसार-मुक्ति के साधनों का भी ज्ञान होता है।

इस अध्ययन में एक से तेईस तक की संख्या में अनेक विषयों का ग्रहण हुआ है। उनमें से कुछ शब्दों का विस्तार अन्य अध्ययनों से प्राप्त होता है। जैसे—कषाय का २९।६७-७० में, ध्यान का ३०।३५ में, व्रत का २१।१२ में, इन्द्रिय-अर्थ का ३२।२३,३६,४९,६२,७५ में, समिति का २४।२ में, लेश्या का ३४।३ में, छह जीवनिकाय का ३६।६९,१०७ में, आहार के छह कारण का ३६।३२-३४ में और ब्रह्मचर्य गुप्ति का १६वें अध्ययन में।

इसे पन्द्रहवें अध्ययन 'सभिक्खु' का परिशेष भी माना जा सकता है। समवायांग (३३) तथा आवश्यक (४) में भी इस अध्ययन में वर्णित विषयों का उल्लेख हुआ है।

सातवें श्‍लोक से २१वें श्‍लोक तक 'जयई'—'यतते' का प्रयोग हुआ है। इसका सामान्य अर्थ 'यत्‍न करता है' होता है। प्रसंगानुसार यत्‍न का अर्थ है—पालनीय का पालन, परिहरणीय का परिहार, ज्ञेय का ज्ञान और उपदेष्टव्य का उपदेश।

एगतीसइमं अज्झयणं : चरणविही

इकतीसवां अध्ययन : चरण-विधि

मूल

१. चरणविहिं पवक्खामि, जीवस्स उ सुहावहं।

जं चरित्ता बहू जीवा, तिण्णा संसारसागरं।।

हिन्‍दी अनुवाद

अब मैं जीव को सुख देने वाली उस चरण-विधि का कथन करूंगा जिसका आचरण कर बहुत से जीव संसार-सागर को तर गए।

२. एगओ विरइं कुज्जा, एगओ य पवत्तणं।

असंजमे नियत्तिं च, संजमे य पवत्तणं।।

भिक्षु एक स्थान से निवृत्ति करे और एक स्थान में प्रवृत्ति करे। असंयम में निवृत्ति करे और संयम से प्रवृत्ति करे।

३. रागद्दोसे य दो पावे, पावकम्मपवत्तणे।

जे भिक्खू रुंभई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

राग और द्वेष—ये दो पाप-कर्म के प्रवर्तक हैं। जो भिक्षु सदा इनका निरोध करता है, वह संसार में नहीं रहता।

४. दंडाणं गारवाणं च, सल्लाणं च तियं तियं।

जे भिक्खू चयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु तीन-तीन दण्डों१, गौरवों२ और शल्यों का३ सदा त्याग करता है, वह संसार में नहीं रहता।

५. दिव्वे य जे उवसग्गे, तहा तेरिच्छमाणुसे।

जे भिक्खू सहई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु देव, तिर्यञ्च और मनुष्य सम्बन्धी उपसर्गों को सदा सहता है, वह संसार में नहीं रहता।४

६. विगहाकसायसण्णाणं, झाणाणं च दुयं तहा।

जे भिक्खू वज्जई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु विकथाओं५, कषायों, संज्ञाओं६ तथा आर्त्त और रौद्र ७ —इन दो ध्यानों का सदा वर्जन करता है, वह संसार में नहीं रहता।

७. वएसु इंदियत्थेसु, समिईसु किरियासु य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु व्रतों ८ और समितियों के पालन में, इन्द्रिय-विषयों और क्रियाओं के९ परिहार में सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

८. लेसासु छसु काएसु, छक्के आहारकारणे।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु छह लेश्याओं १०, छह कायों और आहार के (विधि-निषेध के) छह कारणों में११ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

९. पिंडोग्गहपडिमासु, भयट्ठाणेसु सत्तसु।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु आहार-ग्रहण की सात प्रतिमाओं में१२और सात भय-स्थानों में १३सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१०. मएसु बंभगुत्तीसु, भिक्खुधम्मंमि दसविहे।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु आठ मद-स्थानों में१४, ब्रह्मचर्य की नौ गुप्तियों में१५ और दस प्रकार के भिक्षु-धर्म में१६ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

११. उवासगाणं पडिमासु, भिक्खूणं पडिमासु य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु उपासकों की ग्यारह प्रतिमाओं१७ तथा भिक्षुओं की बारह प्रतिमाओं में१८ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१२. किरियासु भूयगामेसु, परमाहम्मिएसु य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु तेरह क्रियाओं१९, चौदह जीव-समुदाओं२० और पन्द्रह परमाधार्मिक देवों२१ में सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१३. गाहासोलसएहिं, तहा अस्संजमम्मि य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु गाथा-षोडशक (सूत्रकृतांग के प्रथम श्रुतस्कन्ध के सोलह अध्ययनों)२२ और सतरह प्रकार के असंयम में२३ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१४. बंभम्मि नायज्झयणेसु, ठाणेसु यसमाहिए।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु अठारह प्रकार के ब्रह्मचर्य२४, उन्नीस ज्ञात-अध्ययनों२५ और बीस असमाधि-स्थानों में२६ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१५. एगवीसाए सबलेसु, बावीसाए परीसहे।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु इक्कीस प्रकार के शबल-दोषों२७ और बाईस परीषहों मे२८ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१६. तेवीसइ सूयगडे, रूवाहिएसु सुरेसु अ।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु सूत्रकृतांग के तेईस अध्ययनों२९ और चौबीस प्रकार के देवों में३० सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१७. पणवीसभावणाहिं, उद्देसेसु दसाइणं।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु पचीस भावनाओं३१ और दशाश्रुत-स्कंध, व्यवहार और बृहत्कल्प के छब्बीस उद्देशों में३२ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१८. अणगारगुणेहिं च, पकप्पम्मि तहेव य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु साधु के सत्ताईस गुणों३३ और अठाईस आचार-प्रकल्पों में३४ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

१९. पावसुयपसंगेसु, मोहट्ठाणेसु चेव य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु उनतीस पाप-श्रुत प्रसंगों३५ और तीस मोह के स्थानों में३६ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

२०. सिद्धाइगुणजोगेसु, तेत्तीसासायणासु य।

जे भिक्खू जयई निच्चं, से न अच्छइ मंडले।।

जो भिक्षु सिद्धों के इकतीस आदि-गुणों३७, बत्तीस योग-संग्रहों३८ तथा तेतीस आशातनाओं में३९ सदा यत्‍न करता है, वह संसार में नहीं रहता।

२१. इइ एएसु ठाणेसु, जे भिक्खू जयई सया।

खिप्पं से सव्वसंसारा, विप्पमुच्चइ पंडिओ।।

जो पण्डित भिक्षु इस प्रकार इन स्थानों में सदा यत्‍न करता है, वह शीघ्र ही समस्त संसार से मुक्त हो जाता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३१ : चरण-विधि

१. दण्डों का (दंडाणं)

दण्ड दो प्रकार के होते हैं—(१) द्रव्य-दण्ड और (२) भाव-दण्ड।

कोई अपराध करने पर राजा या अन्य निर्धारित व्यक्तियों के द्वारा वध, बन्धन, ताड़ना आदि के द्वारा दण्डित करने को 'द्रव्य दण्ड' कहा जाता है।

जिन अध्यवसायों या प्रवृत्तियों से आत्मा दण्डित होती है, उसे 'भाव-दण्ड' कहा जाता है। वे तीन हैं—

(१) मनोदण्ड—मन का दुष्प्रणिधान।

(२) वचो-दण्ड—वचन की दुष्प्रयुक्तता।

(३) काय-दण्ड—शारीरिक दुष्प्रवृत्ति।

भगवान् महावीर मन, वाणी और काया—इन तीनों को ही दण्ड मानते थे, केवल काया को नहीं। फिर भी इस विषय को लेकर मज्झिमनिकाय में एक लम्बा प्रकरण लिखा गया है। बौद्ध-साहित्य की शैली के अनुसार उसमें बुद्ध का उत्कर्ष और महावीर का अपकर्ष दिखाने का प्रयत्‍न किया गया है। उसका कुछ अंश इस प्रकार है—

ऐसा मैंने सुना—

एक समय भगवान् नालन्दा में प्रावारिक में आम्र-वन में विहार करते थे। उस समय निगंठ नात-पुत्त निगंठों (=जैन साधुओं) की बड़ी परिषद् (जमात) के साथ नालन्दा में विहार करते थे। तब दीर्घ-तपस्वी निर्ग्रन्थ (जैन-साधु) नालन्दा में भिक्षाचार कर, पिंडपात खतम कर, भोजन के पश्‍चात्, जहां प्रावारिक आम्र-वन में भगवान् थे, वहां गया। जाकर भगवान् के साथ संमोदन (कुशल-प्रश्‍न पूछ) कर, एक ओर खड़ा हो गया। एक ओर खड़े दीर्घ-तपस्वी निर्ग्रन्थ को भगवान् ने कहा—

''तपस्वी! आसन मौजूद है, यदि इच्छा हो तो बैठ जाओ।''

ऐसा कहने पर दीर्घ-तपस्वी निर्ग्रन्थ एक नीचा आसन ले एक ओर बैठ गया। एक ओर बैठे दीर्घ-तपस्वी निर्ग्रन्थ से भगवान् बोले—

''तपस्वी! पाप-कर्म के लिए, पाप-कर्म की प्रवृत्ति के लिए निर्ग्रन्थ ज्ञातृपुत्र कितने कर्मों का विधान करते हैं?''

''आवुस! गौतम! 'कर्म' 'कर्म' विधान करना निर्ग्रन्थ ज्ञातृपुत्र का कायदा (आचिण्ण) नहीं है। आवुस! गौतम! 'दण्ड' 'दण्ड' विधान करना निर्ग्रन्थ ज्ञातृपुत्र का कायदा है।''

''तपस्वी! गौतम! पाप-कर्म के हटाने के लिए निगंठ नात-पुत्त तीन दण्डों का विधान करते हैं—काय-दण्ड, वचन-दण्ड, मन दण्ड।''

''तपस्वी! तो क्या काय-दण्ड दूसरा है, वचन-दण्ड दूसरा ही है, मन-दण्ड दूसरा है?''

''आवुस! गौतम! (हां)? काय-दण्ड दूसरा ही है, वचन-दण्ड दूसरा ही है, मन-दण्ड दूसरा ही है।''

''तपस्वी! इस प्रकार भेद किए, इस प्रकार विभक्त, इन तीनों दण्डों में निगंठ नात-पुत्त, पाप-कर्म करने के लिए, पाप-कर्म की प्रवृत्ति के लिए, किस दण्ड को महादोष-युक्त विधान करते हैं। काय-दण्ड को, या वचन-दण्ड को, या मन-दण्ड को?''

''आवुस! गौतम! इस प्रकार भेद किए, इस प्रकार विभक्त, इन तीनों दण्डों में निगंठ नात-पुत्त, पाप-कर्म के लिए काय-दंड को महादोष-युक्त विधान करते हैं, वैसा वचन-दंड को नहीं, वैसा मन-दंड को नहीं।''

''तपस्वी! काय-दंड कहते हो?''

''आवुस! गौतम! काय-दंड कहता हूं।''

''तपस्वी! काय-दंड कहते हो?''

''आवुस! गौतम! काय-दंड कहता हूं।''

''तपस्वी! काय-दंड कहते हो?''

''आवुस! गौतम! काय-दंड कहता हूं।''

इस प्रकार भगवान् ने दीर्घ-तपस्वी निगंठ को इस कथा-वस्तु (बात) में तीन बार प्रतिष्ठापित किया।

ऐसा कहने पर दीर्घ-तपस्वी निगंठ ने कहा—

''तुम आवुस! गौतम! पाप-कर्म के करने के लिए कितने दंड-विधान करते हो?''

''तपस्वी! 'दंड' 'दंड' कहना तथागत का कायदा नहीं है,

'कर्म' 'कर्म' कहना तथागत का कायदा है।''

''आवुस! गौतम! तुम कितने कर्म विधान करते हो?''

''तपस्वी! मैं तीन कर्म बतलाता हूं—जैसे काय-कर्म, वचन-कर्म, मन-कर्म।''

''आवुस! गौतम! काय-कर्म दूसरा ही है, वचन-कर्म दूसरा ही है, मन-कर्म दूसरा ही है।''

''तपस्वी! काय-कर्म दूसरा ही है, वचन-कर्म दूसरा ही है, मन-कर्म दूसरा ही है।''

''आवुस! गौतम! इस प्रकार विभक्त इन तीन कर्मों में, पाप-कर्म करने के लिए किसको महादोषी ठहराते हो—काय-कर्म को या वचन-कर्म को या मन-कर्म को?''

''तपस्वी! इस प्रकार विभक्त इन तीनों कर्मों में मन-कर्म को मैं महादोषी बतलाता हूं।''

''आवुस! गौतम! मन-कर्म बतलाते हो?''

''तपस्वी! मन-कर्म बतलाता हूं।''

''आवुस! गौतम! मन-कर्म बतलाते हो?''

''तपस्वी! मन-कर्म बतलाता हूं।''

''आवुस! गौतम! मन-कर्म बतलाते हो?''

''तपस्वी! मन-कर्म बतलाता हूं।''

इस प्रकार दीर्घ-तपस्वी निगंठ भगवान् को इस कथा-वस्तु (विवाद विषय) में तीन बार प्रतिष्ठापित कर, आसन से उठ जहां निगंठ नात-पुत्त थे, वहां चला गया।

२. गौरवों का (गारवाणं)

गौरव का अर्थ है—'अभिमान से उत्तप्त चित्त की अवस्था।' वह तीन प्रकार का है—

(१) ऋद्धि-गौरव—ऐश्‍वर्य का अभिमान।

(२) रस-गौरव—रसों का अभिमान।

(३) सात-गौरव—सुखों का अभिमान।

३. शल्यों का (सल्लाणं)

जैसे कांटा चुभने पर मनुष्य सर्वाङ्ग वेदना का अनुभव करता है और उसके निकल जाने पर वह सुख की सांस लेता है, वैसे ही दोष रूपी कांटा चुभ जाता है, तब साधक की आत्मा दु:खित हो जाती है और उसके निकलने पर उसे आनन्द का अनुभव होता है। शल्य का अर्थ है 'अन्तर में घुसा हुआ दोष' अथवा 'जिससे विकास बाधित होता है, उसे शल्य कहते हैं।' वे तीन हैं—

(१) माया-शल्य—माया-पूर्ण आचरण।

(२) निदान-शल्य—ऐहिक या पारलौकिक उपलब्धि के लिए धर्म का विनिमय।

(३) मिथ्यादर्शन-शल्य—आत्मा का मिथ्यात्वमय दृष्टिकोण।

जो नि:शल्य होता है, वही व्यक्ति व्रती या महाव्रती बन सकता है।

४. (श्‍लोक ५)

इस श्‍लोक में तीन प्रकार के उपसर्गों (कष्टों) का कथन है :

(१) दिव्य—देवताओं द्वारा दिए जाने वाले कष्ट। देवता हास्यवश, प्रद्वेषवश या परीक्षा के निमित्त दूसरों को कष्ट देते हैं।

(२) तैरश्‍च—पशुओं द्वारा दिए जाने वाले कष्ट। पशु भय, प्रद्वेष या आहार के लिए तथा अपनी सन्तान या स्थान के संरक्षण के लिए दूसरों को कष्ट देते हैं।

(३) मानुष—मनुष्यों द्वारा दिए जाने वाले कष्ट। मनुष्य हास्य, प्रद्वेष, विमर्श या कुशील का सेवन करने के लिए दूसरों को कष्ट देते हैं।

५. विकथाओं (विगहा)

यहां कथा का अर्थ 'चर्चा' या 'आलोचना' है। वर्जनीय कथा को 'विकथा' कहा जाता है। वह चार प्रकार की है—

(१) स्त्री-कथा—स्त्री सम्बन्धी कथा करना।

(२) भक्त-कथा—भोजन सम्बन्धी कथा करना।

(३) देश-कथा—देश सम्बन्धी कथा करना।

(४) राज-कथा—राज्य सम्बन्धी कथा करना।

मूलाराधना में कथा के कुछ और अधिक प्रकार बतलाए गए हैं—(१) भक्त-कथा, (२) स्त्री-कथा, (३) राज-कथा, (४) जनपद-कथा, (५) काम-कथा, (६) अर्थ-कथा, (७) नाट्य- कथा और (८) नृत्य-कथा।

६. संज्ञाओं (सन्नाणं)

संज्ञा का अर्थ है 'आसक्ति' या 'मूर्च्छना'। वह चार प्रकार की है—

(१) आहार-संज्ञा

(२) भय-संज्ञा

(३) मैथुन-संज्ञा

(४) परिग्रह-संज्ञा

विशेष विवरण के लिए देखिए—स्थानांग, ४।५७८।

७. आर्त्त और रौद्र—इन दो ध्यानों का (झाणाणं च दुयं)

ध्यान चार हैं—(१) आर्त्त, (२) रौद्र, (३) धर्म्य और (४) शुक्ल।

चार की संख्या का प्रकरण है, इसलिए यहां इनका उल्लेख है। किन्तु इनमें वर्जनीय ध्यान दो ही हैं, इसलिए 'झाणाणं च दुयं' कहा गया है।

विशेष विवरण के लिए देखिए—३०।३५ का टिप्पण। मिलाइए—३४।३१।

८. व्रतों के (वएसु)

यहां व्रत का प्रयोग 'महाव्रत' के अर्थ में हुआ है। वे पांच हैं—(१) अहिंसा, (२) सत्य, (३) अस्तेय, (४) ब्रह्मचर्य, और (५) अपरिग्रह। देखिए—२१।१२ का श्‍लोक।

९. क्रियाओं के (किरियासु)

स्थानांग (२।२-३७) में अनेक प्रकार की क्रियाओं का उल्लेख है। यहां उनमें से पांच क्रियाओं का ग्रहण किया गया है। वे इस प्रकार हैं—(१) कायिकी, (२) अधिकरणिकी, (३) प्राद्वेषिकी, (४) पारितापनिकी और (५) प्राणातिपातिकी।

१०. छह लेश्याओं...में (लेसासु)

देखिए—अध्ययन ३४।

११. आहार के (विधि-निषेध के) छह कारणों में (छक्के आहारकारणे)

साधु को छह कारणों से आहार करना चाहिए और छह कारणों से नहीं करना चाहिए। देखिए—२६।३२,३४।

१२. (पिंडोग्गहपडिमासु)

विशेष प्रतिमाधर मुनि आहार और अवग्रह (स्थान) सम्बन्धी सात प्रकार के अभिग्रह धारण करते थे। जैसे—

आहार-ग्रहण सम्बन्धी अभिग्रह—सात एषणाएं। देखिए—३०।२५ का टिप्पण।

अवग्रह (स्थान) सम्बन्धी अभिग्रह। अवग्रह-प्रतिमा का अर्थ है 'स्थान के लिए प्रतिज्ञा या संकल्प'। वे सात हैं—

(१) मैं अमुक प्रकार के स्थान में रहूंगा, दूसरे में नहीं।

(२) मैं दूसरे साधुओं के लिए स्थान की याचना करूंगा। दूसरों के द्वारा याचित-स्थान में मैं रहूंगा। यह गच्छान्तरगत साधुओं के होती है।

(३) मैं दूसरों के लिए स्थान की याचना करूंगा, किन्तु दूसरों के द्वारा याचित-स्थान में नहीं रहूंगा। यह यथालन्दिक साधुओं के होती है।

(४) मैं दूसरों के लिए स्थान की याचना नहीं करूंगा, परन्तु दूसरों के द्वारा याचित-स्थान में रहूंगा। यह जिनकल्पदशा का अभ्यास करने वाले साधुओं के होती है।

(५) मैं अपने लिए स्थान की याचना करूंगा, दूसरों के लिए नहीं। यह जिनकल्पिक साधुओं के होती है।

(६) जिसका मैं स्थान ग्रहण करूंगा, उसी के यहां पलाल आदि का संस्तारक प्राप्त हो तो लूंगा अन्यथा ऊकडू या नैषधिक-आसन में बैठे-बैठे रात बिताऊंगा। यह जिनकल्पिक या अभिग्रहधारी साधुओं के होती है।

(७) जिसका मैं स्थान ग्रहण करूंगा, उसी के यहां ही सहज बिछे हुए सिलापट्ट या काष्ठपट्ट प्राप्त हो तो लूंगा अन्यथा ऊकडू या नैषधिक-आसन में बैठे-बैठे रात बिताऊंगा। यह जिनकल्पिक या अभिग्रहधारी साधुओं के होती है।

१३. (भयट्ठाणेसु सत्तसु)

भय के स्थान सात हैं—

(१) इहलोक-भय—सजातीय से भय—जैसे मनुष्य को मनुष्य से भय, देव को देव से भय।

(२) परलोक-भय—विजातीय से भय—जैसे मनुष्य को देव, तिर्यंच आदि का भय।

(३) आदान-भय—धन आदि पदार्थों के अपहरण करने वाले से होने वाला भय।

(४) अकस्मात्-भय—किसी बाह्य निमित्त के बिना ही उत्पन्न होने वाला भय, अपने ही विकल्पों से होने वाला भय।

(५) वेदना-भय४—पीड़ा आदि से उत्पन्न भय।

(६) मरण-भय—मृत्यु का भय।

(७) अश्‍लोक-भय—अकीर्ति का भय।

देखिए—ठाणं, ७।२७।

१४. आठ मद-स्थानों में (मयेसु)

आठ मद-स्थान इस प्रकार हैं—

(१) जाति-मद

(२) कुल-मद

(३) बल-मद

(४) रूप-मद

(५) तपो-मद

(६) श्रुत-मद

(७) लाभ-मद

(८) ऐश्‍वर्य-मद।

देखिए—ठाणं, ८।२१,। समवाओ, समवाय ८।

१५. ब्रह्मचर्य की नौ गुप्तियों में (बंभगुत्तीसु)

ब्रह्मचर्य की रक्षा के साधन को 'गुप्ति' कहते हैं। देखिए—सोलहवां अध्ययन; स्थानांग, ९।६६३; समवायांग, समवाय ९।

१६. दस प्रकार के भिक्षु-धर्म में (भिक्खुधम्मंमि दसविहे)

देखिए—२।२६ का टिप्पण।

१७. उपासकों की ग्यारह प्रतिमाओं (उवासगाणं पडिमासु)

उपासक—श्रावक की प्रतिमाएं ग्यारह हैं—

(१) दर्शन-श्रावक

(२) कृत-व्रत श्रावक

(३) कृत-सामायिक

(४) पोषधोपवास निरत

(५) दिन में ब्रह्मचारी और रात्रि में परिमाण करने वाला

(६) दिन और रात में ब्रह्मचारी, स्‍नान न करने वाला, दिन में भोजन करने वाला और कच्छ न बांधने वाला।

(७) सचित्त-परित्यागी

(८) आरम्भ-परित्यागी

(९) प्रेष्य-परित्यागी

(१०) उद्दिष्ट-भक्त-परित्यागी

(११) श्रमण-भूत।

देखिए—समवाओ, समवाय ११।

१८. भिक्षुओं की बारह प्रतिमाओं में (भिक्खूणं पडिमासु)

भिक्षु की प्रतिमाएं बारह हैं—

(१) एक मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(२) दो मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(३) तीन मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(४) चार मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(५) पांच मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(६) छह मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(७) सात मासिकी भिक्षु-प्रतिमा

(८) तत्पश्‍चात् प्रथम सात दिन-रात की भिक्षु-प्रतिमा

(९) दूसरी सात दिन-रात की भिक्षु-प्रतिमा

(१०) तीसरी सात दिन-रात की भिक्षु-प्रतिमा

(११) एक अहोरात्रिकी भिक्षु-प्रतिमा

(१२) एकरात्रिकी भिक्षु-प्रतिमा।

देखिए—समवाओ, समवाय १२।

१९. तेरह क्रियाओं में (किरियासु)

कर्म-बन्ध की हेतुभूत चेष्टा को 'क्रिया' कहा जाता है। वे तेरह हैं—

(१) अर्थ-दण्ड—शरीर, स्वजन, धर्म आदि प्रयोजन से की जाने वाली हिंसा।

(२) अनर्थ-दण्ड—बिना प्रयोजन मौज-शौक के लिए की जाने वाली हिंसा।

(३) हिंसा-दण्ड—इसने मुझे मारा था, मारता है, मारेगा—इस प्रणिधान से हिंसा करना।

(४) अकस्मात्-दण्ड—एक के वध की प्रवृत्ति करते हुए अकस्मात् दूसरे की हिंसा कर डालना।

(५) दृष्टि-विपर्यास-दण्ड—मति-भ्रम से होने वाली हिंसा अथवा मित्र आदि को अमित्र बुद्धि से मारना।

(६) मृषावाद-प्रत्यय—स्व, पर या उभय के लिए मृषावाद से होने वाली हिंसा।

(७) अदत्तादान-प्रत्यय—स्व, पर या उभय के लिए अदत्तादान से होने वाली हिंसा।

(८) आध्यात्मिक—बाह्य निमित्त के बिना, मन में स्वत: उत्पन्न होने वाली हिंसा।

(९) मान-प्रत्यय—जाति आदि के भेद से होने वाली हिंसा।

(१०) मित्र-द्वेष-प्रत्यय—माता-पिता या दास-दासी के अल्प अपराध में भी बड़ा दण्ड देना।

(११) माया-प्रत्यय—माया से होने वाली हिंसा।

(१२) लोभ-प्रत्यय—लोभ से होने वाली हिंसा।

(१३) ऐर्यापथिक—केवल योग (मन, वचन और काया की प्रवृत्ति) से होने वाला कर्म-बन्धन।

विशेष विवरण के लिए देखिए—सूयगडो, २।२; समवाओ, समवाय १३।

२०. चौदह जीव समुदायों में (भूयगामेसु)

१,२ सूक्ष्म एकेन्द्रिय -अपर्याप्त-पर्याप्त

३,४ बादर एकेन्द्रिय -अपर्याप्त-पर्याप्त

५,६ द्वीन्द्रिय-अपर्याप्त -पर्याप्त

७,८ त्रीन्द्रिय-अपर्याप्त -पर्याप्त

९,१० चतुरिन्द्रिय -अपर्याप्त-पर्याप्त

११,१२ असंज्ञीपंचेन्द्रिय -अपर्याप्त-पर्याप्त

१३,१४ संज्ञीपंचेन्द्रिय -अपर्याप्त-पर्याप्त

देखिए—समवाओ, समवाय १४।

२१. पन्द्रह परमाधार्मिक देवों में (परमाहम्मिएसु)

सम्पूर्ण रूप में जो अधार्मिक हैं, उन्हें 'परमाधार्मिक' कहा जाता है। इसी कारण देवों की एक जाति की संज्ञा भी यही हो गई है। परमाधार्मिक देव १५ हैं।

देखिए—१९।४७ का टिप्पण।

२२. गाथा-षोडशक (सूत्रकृतांग के प्रथम श्रुतस्कन्ध के सोलह अध्ययनों) में (गाहासोलसएहिं)

सूत्रकृतांग के दो श्रुतस्कंध हैं। पहले श्रुतस्कन्ध में १६ अध्ययन हैं। सोलहवें अध्ययन का नाम 'गाथा' है। जिसका सोलहवां अध्ययन गाथा है उसे 'गाथा-षोडशक' कहा जाता है। यह प्रथम श्रुतस्कन्ध का वाचक है।

देखिए—३१।१६ का टिप्पण; समवाओ, समवाय १६।

२३. सतरह प्रकार के असंयम में (अस्संजमम्मि)

असंयम के १७ प्रकार ये हैं—

(१) पृथ्वीकाय-असंयम

(२) अप्काय-असंयम

(३) तेजस्काय-असंयम

(४) वायुकाय-असंयम

(५) वनस्पतिकाय-असंयम

(६) द्वीन्द्रिय-असंयम

(७) त्रीन्द्रिय-असंयम

(८) चतुरिन्द्रिय-असंयम

(९) पंचेन्द्रिय-असंयम

(१०) अजीवकाय-असंयम

(११) प्रेक्षा-असंयम—अप्रतिलेखन या अविधि प्रतिलेखन से होने वाला असंयम।

(१२) उपेक्षा-असंयम—संयम की उपेक्षा और असंयम में व्यापार।

(१३) अपहृत्य-असंयम—उच्चार आदि का अविधि से परिष्ठान करने से होने वाला असंयम।

(१४) अप्रमार्जन-असंयम—पात्र आदि का अप्रमार्जन या अविधि से प्रमार्जन करने से होने वाला असंयम।

(१५) मन-असंयम—अकुशल मन की उदीरणा।

(१६) वचन-असंयम—अकुशन वचन की उदीरणा।

(१७) काय-असंयम—अकुशल काया की उदीरणा।

देखिए—समवाओ, समवाय १७।

२४. अठारह प्रकार के ब्रह्मचर्य....में (बंभम्मि)

ब्रह्मचर्य के अठारह प्रकार ये हैं—

औदारिक (मनुष्य, तिर्यञ्च सम्बन्धी) काम-भोगों का : (१) मन से सेवन न करे, (२) मन से सेवन न कराए और (३) सेवन करने वाले का मन से अनुमोदन भी न करे।

औदारिक काम-भोगों का : (४) वचन से सेवन न करे, (५) वचन से सेवन न कराए और (६) सेवन करने वाले का वचन से अनुमोदन भी न करे।

औदारिक काम-भोगों का : (७) काया से सेवन न करे, (८) काया से सेवन न कराए और (९) सेवन करने वाला का काया से अनुमोदन भी न करे।

दिव्य (देव-सम्बन्धी) काम-भोगों का : (१०) मन से सेवन न करे, (११) मन से सेवन न कराए और (१२) सेवन करने वाले का मन से अनुमोदन भी न करे।

दिव्य काम-भोगों का : (१३) वचन से सेवन न करे, (१४) वचन से सेवन न कराए और (१५) सेवन करने वाले का वचन से अनुमोदन भी न करे।

दिव्य काम-भोगों का : (१६) काया से सेवन न करे, (१७) काया से सेवन न कराए और (१८) सेवन करने वाले का काया से अनुमोदन भी न करे।

देखिए—समवाओ, समवाय १८।

२५. उन्नीस ज्ञाता अध्ययनों....में (नायज्झयणेसु)

ज्ञाता के १९ अध्ययन ये हैं—

(१) उत्क्षिप्त-ज्ञाता

(२) संघाट

(३) अण्ड

(४) कूर्म

(५) सेलक

(६) तुम्ब

(७) रोहिणी

(८) मल्ली

(९) माकन्दी

(१०) चन्द्रिका

(११) दावद्रव

(१२) उदत-ज्ञात

(१३) मंडूक

(१४) तेत्तली

(१५) नन्दी-फल

(१६) अवरकंका

(१७) आकीर्ण

(१८) सुंसमा

(१९) पुण्डरीक-ज्ञात।

देखिए—समवाओ, समवाय १९।

२६. बीस असमाधि-स्थानों में (ठाणेसु यऽसमाहिए)

बीस असमाधि-स्थान ये हैं—

(१) धम-धम करते चलना।

(२) प्रमार्जन किए बिना चलना।

(३) अविधि से प्रमार्जन कर चलना।

(४) प्रमाण से अधिक शय्या, आसन आदि रखना।

(५) रात्‍निक साधुओं का पराभव—तिरस्कार करना, उनके सामने मर्यादा-रहित बोलना।

(६) स्थविरों का उपघात करना।

(७) प्राणियों का उपघात करना।

(८) प्रतिक्षण क्रोध करना।

(९) अत्यन्त क्रोध करना।

(१०) परोक्ष में अवर्णवाद बोलना।

(११) बार-बार निश्‍चयकारी भाषा बोलना।

(१२) अनुत्पन्न नए-नए कलहों को उत्पन्न करना।

(१३) उपशमित और शमित पुराने कलहों की उदीरणा करना।

(१४) सरजस्क हाथ-पैरों का व्यापार करना।

(१५) अकाल में स्वाध्याय करना।

(१६) कलह करना।

(१७) रात्रि में जोर से बोलना।

(१८) झंझा (खटपट) करना।

(१९) सूर्योदय से सूर्यास्त तक बार-बार भोजन करना।

(२०) एषणा-समिति रहित होना।

देखिए—समवाओ, समवाय २०; दशाश्रुतस्कन्ध, दशा १।

२७. इक्कीस प्रकार के शबल दोषों में (एगवीसाए सबलेसु)

शबल (चारित्र को धब्बों से युक्त करने वाले) दोष इक्कीस हैं—

(१) हस्त-कर्म करना।

(२) मैथुन का प्रतिसेवन करना।

(३) रात्रि-भोजन करना।

(४) आधाकर्म आहार करना।

(५) सागारिक (शय्यातर) पिंड खाना।

(६) औद्देशिक, क्रीत या सामने लाकर दिया जाने वाला भोजन करना।

(७) बार-बार प्रत्याख्यान कर खाना।

(८) एक महीने के अन्दर एक गच्छ से दूसरे गच्छ में जाना।

(९) एक महीने के अन्दर तीन उदक-लेप लगाना।

(१०) एक महीने में तीन बार माया का सेवन करना।

(११) राज-पिण्ड का भोजन करना।

(१२) जान-बूझ कर प्राणातिपात करना।

(१३) जान-बूझ कर मृषावाद बोलना।

(१४) जान-बूझ कर अदत्तादान लेना।

(१५) जान-बूझ कर अन्तर-रहित (सचित्त) पृथ्वी पर स्थान या निषद्या करना।

(१६) जान-बूझ कर सचित्त पृथ्वी पर तथा सचित्त शिला पर, घुण वाले काष्ठ पर, शय्या अथवा निषद्या करना।

(१७) जीव सहित, प्राण सहित, बीज सहित, हरित सहित, उत्तिंग सहित, लीलन-फूलन, कीचड़ तथा मकड़ी के जाल वाली तथा इसी प्रकार की अन्य पृथ्वी पर बैठना, सोना और स्वाध्याय करना।

त्वक् का भोजन, प्रवाल का भोजन, पुष्प का भोजन, फूल का भोजन करना।

(१८) जान-बूझ कर मूल का भोजन, कन्द का भोजन, हरित का भोजन करना।

(१९) एक-वर्ष में दस उदक-लेप लगाना।

(२०) एक वर्ष में दस बार माया-स्थान का सेवन करना।

(२१) सचित्त जल से लिप्त हाथों से बार-बार अशन, पान, खाद्य और स्वाद्य को लेना तथा उन्हें खाना।

देखिए—समवाओ, समवाय २१; दशाश्रुतस्कन्ध, दशा २।

२८. बाईस परीषहों (बावीसाए परीसहे)

देखिए—अध्ययन २।

२९. सूत्रकृतांग के तेईस अध्ययनों...में (तेवीसइ सूयगडे)

सूत्रकृतांग के दो विभाग हैं—(१) प्रथम श्रुतस्कन्ध में १६ अध्ययन हैं और (२) दूसरे श्रुतस्कन्ध में ७ अध्ययन हैं। तेईस अध्ययनों के नाम इस प्रकार हैं—

(१) समय

(२) वैतालिक

(३) उपसर्ग-परिज्ञा

(४) स्त्री-परिज्ञा

(५) नरक-विभक्ति

(६) महावीर-स्तुति

(७) कुशील-परिभाषित

(८) वीर्य

(९) धर्म

(१०) समाधि

(११) मार्ग

(१२) समवसरण

(१३) यथातथ्य

(१४) ग्रन्थ

(१५) यमक

(१६) गाथा

(१७) पुंडरीक

(१८) क्रिया-स्थान

(१९) आहार-परिज्ञा

(२०) अप्रत्याख्यान-परिज्ञा

(२१) अनगार-श्रुत

(२२) आर्द्रकुमारीय

(२३) नालंदीय।

देखिए—समवाओ, समवाय २३।

३०. चौबीस प्रकार के देवों में (रूवाहिएसु सुरेसु)

यहां रूप का अर्थ 'एक' है। रूपाधिक अर्थात् पूर्वोक्त संख्या से एक अधिक। पूर्व कथन में सूत्रकृतांग सूत्र के २३ अध्ययन ग्रहण किए गए हैं। अत: यहां २४ की संख्या प्राप्त है। वृत्तिकार ने इसकी व्याख्या दो प्रकार से की है। प्रथम व्याख्या के अनुसार २४ प्रकार के देव ये हैं—

१० प्रकार के भवनपति देव।

८ प्रकार के व्यन्तर देव।

५ प्रकार के ज्योतिष देव।

१ वैमानिक देव। (समस्त वैमानिक देवों को एक ही प्रकार में गिना है, भिन्नता की विवक्षा नहीं की है)

दूसरी व्याख्या के अनुसार यहां ऋषभदेव आदि २४ तीर्थङ्करों का ग्रहण किया गया है। समवायांग में द्वितीय व्याख्या मान्य रही है—

(१) ऋषभ,

(२) अजित,

(३) सम्भव,

(४) अभिनन्दन,

(५) सुमति,

(६) पद्मप्रभु,

(७) सुपार्श्‍व,

(८) चन्द्रप्रभु,

(९) सुविधि,

(१०) शीतल,

(११) श्रेयांस,

(१२) वासुपूज्य,

(१३) विमल,

(१४) अनन्त,

(१५) धर्म,

(१६) शान्ति,

(१७) कुन्थु,

(१८) अर,

(१९) मल्लि,

(२०) मुनिसुव्रत,

(२१) नमि,

(२२) नेमि,

(२३) पार्श्‍व,

(२४) वर्द्धमान।

देखिए—समवाओ, समवाय २४।

३१. पच्चीस भावनाओं में (पणवीसभावणाहिं)

भावना का अर्थ है—'वह क्रिया जिससे आत्मा को संस्कारित, वासित या भावित किया जाता है'। वे २५ हैं, आचारांग, समवायांग तथा प्रश्‍न व्याकरण में उनका वर्णन है। उनके क्रम तथा नामों में भेद हैं। जैसे—

आचारचूला(२। २५) के अनुसारसमवायांग(समवाय २५) के अनुसारप्रश्नव्याकरण(संवाद्वार) के अनुसार
(१)अहिंसा महाव्रत की भावनाएं
(१) ईर्या-समितिईर्या-समितिईर्या-समिति
(२) मन-परिज्ञामनो-गुप्तिअपाप-मन(मन-समिति)
(३) वचन-परिज्ञावचन-गुप्तिअपाप-वचन(वचन-समिति)
(४) आदान-निक्षेप समितिआदान-भाजन-भोजनएषणा-समिति
(५) आलोकित-पान भोजनआदान-भांडामंत्र-निक्षेपणा-समितिआदान-निक्षेप-समिति
(२)सत्य महाव्रत की भावनाएं
(६) अनुवीचि-भाषणअनुवीचि-भाषणता-विचार पूर्वक बोलनाअनुवीचि-भाषण
(७) क्रोध-प्रत्याख्यानक्रोध-विवेक-क्रोध का प्रत्याख्यानक्रोध-प्रत्याख्यान
(८) लोभ-प्रत्याख्यानलोभ-विवेक-लोभ का त्यानलोभ-प्रत्याख्यान
(९) अभय(भय-प्रत्याख्यान)भय-विवेक-भय का त्यागअभय-(भय-प्रत्याख्यान)
(१०) हास्य-प्रत्याख्यानहास्य-विवेक-हास्य का त्यागहास्य-प्रत्याख्यान
(३) अचौर्य महाव्रत की भावनाएं
(११) अनुवीचि-मिताव्रग्रह-याचनअवग्रहानुज्ञापनाविविक्त-वास-वसति
(१२) अनुज्ञापित-पान-भोजनअवग्रहसीमा परिज्ञानअभीक्ष्ण-अवग्रह-याचन
(१३) अवग्रह का अवधारणस्वयं ही अवग्रह की अनुग्रहणताशय्या-समिति
(१४) अभीक्ष्ण-अवग्रह-याचनसाधर्मिकों के अवग्रह की याचना तथा परिभोगसाधारण-पिण्ड-पात्र लाभ
(१५) साधर्मिक के पास से अवग्रह-याचनसाधारण भोजन का आचार्य आदि को बता कर परिभोग करनाविनय-प्रयोग
(४) ब्रह्यचर्य महाव्रत की भावनाएं
(१६) स्त्रियों में कथा का वर्जनस्‍त्री, पशु और नपुंसक से संसक्त शयन और आसन का वर्जन करनाअसंसक्त -वास-वसति
(१७) स्त्रियों के अंग-प्रत्यंगों के अवलोकन का वर्जनस्त्री-कथा का विवर्जन करनास्त्री-जन में कथा वर्जन
(१८) पूर्व-भुक्त-भोग की स्मृति का वर्जनस्त्रियों के इन्द्रियों के अवलोकन का वर्जन करनास्त्रियों के अंग-प्रत्यंग और चेष्टाओं के अवलोकन का वर्जन
(१९) अतिमात्र और प्रणीत पान-भोजन का वर्जनपूर्व-भुक्त तथा पूर्व-क्रीडित काम-भोग का स्मरण नहीं करनापूर्व-भुक्त भोग की स्मृति का वर्जन
(२०) स्‍त्री आदि से संसक्त शयनासन का वर्जनप्रणीत-आहार का विवर्जन करनाप्रणीत-रस-भोजन का वर्जन
(५) अपरिग्रह महाव्रत ही भावनाएं
(२१) मनोज्ञ और अमनोज्ञ शब्द में समभावश्रोत्रेन्द्रिय रागोपरतिमनोज्ञ और अमनोज्ञ शब्द में समभाव
(२२) मनोज्ञ और अमनोज्ञ रूप में समभावचक्षुइन्द्रिय रागोपरतिमनोज्ञ और अमनोज्ञ रूप में समभाव
(२३) मनोज्ञ और अमनोज्ञ गंध में समभावघ्राणेन्द्रिय रागोपरतिमनोज्ञ और अमनोज्ञ गंध में समभाव
(२४) मनोज्ञ और अमनोज्ञ रस में समभावरसनेन्द्रिय रागोपरतिमनोज्ञ और अमनोज्ञ रस में समभाव
(२५) मनोज्ञ और अमनोज्ञ स्पर्श में समभावस्पर्शनेन्द्रिय रागोपरतिमनोज्ञ और अमनोज्ञ स्पर्श में समभाव

३२. (उद्देसेसु दसाइणं)

यहां दशाश्रुतस्कन्ध, कल्प और व्यवहार—इन तीनों सूत्रों के २६ उद्देशों का उल्लेख किया गया है। यहां 'उद्देश' शब्द उद्देशन-काल का सूचक है।१ एक दिन में जितने श्रुत की वाचना (अध्यापन) दी जाती है, उसे 'एक उद्देशन-काल' कहा जाता है।

इन तीन सूत्रों के २६ उद्देशन-काल हैं—

कल्प (बृहत्कल्प) के ६ उद्देशन-काल।

व्यवहार-सूत्र के १० उद्देशन-काल।

३३. साधु के सत्ताईस गुणों...में (अणगारगुणेहिं)

साधु के २७ गुण हैं। जैसे—

(१) प्राणितिपात से विरमण

(२) मृषावाद से विरमण

(३) अदत्तादान से विरमण

(४) मैथुन से विरमण

(५) परिग्रह से विरमण

(६) श्रोत्रेन्द्रिय-निग्रह

(७) चक्षु-इन्द्रिय-निग्रह

(८) घ्राणेन्द्रिय-निग्रह

(९) रसनेन्द्रिय-निग्रह

(१०) स्पर्शनेन्द्रिय-निग्रह

(२१) वचन-समाधारणता

(११) क्रोध-विवेक

(१२) मान-विवेक

(१३) माया-विवेक

(१४) लोभ-विवेक

(१५) भाव-सत्य

(१६) करण-सत्य

(१७) योग-सत्य

(१८) क्षमा

(१९) विरागता

(२०) मन-समाधारणता

(२५) चारित्र-सम्पन्नता

(२६) वेदना-अधिसहन

(२७) मारणान्तिक-अधिसहन।

देखिए—समवाओ, समवाय २७।

वृत्तिकार ने २७ गुण भिन्न प्रकार से माने हैं—

(१) अहिंसा

(२) सत्य

(३) अचौर्य

(४) ब्रह्मचर्य

(५) अपरिग्रह

(६) रात्रि-भोजन-विरति

(७) श्रोत्रेन्द्रिय-निग्रह

(८) चक्षु-इन्द्रिय-निग्रह

(९) घ्राणेन्द्रिय-निग्रह

(१०) रसनेन्द्रिय-निग्रह

(११) स्पर्शनेन्द्रिय-निग्रह

(१२) भाव-सत्य

(१३) करण-सत्य

(१५) विरागता

(१६) मनो-निरोध

(१७) वचन-निरोध

(१८) काय-निरोध

(१९) पृथ्वीकाय-संयम

(२०) अप्काय-संयम

(२१) तेजस्काय-संयम

(२२) वायुकाय-संयम

(२३) वनस्पतिकाय-संयम

(२४) त्रसकाय-संयम

(२५) योगयुक्तता

(२६) वेदना-अधिसहन

(२७) मारणान्तिक-अधिसहन।

३४. अठाईस आचार-प्रकल्पों...में (पकप्पम्मि)

प्रकल्प का अर्थ है 'वह शास्त्र जिसमें मुनि के कल्प-व्यवहार का निरूपण हो।' आचारांग का दूसरा नाम 'प्रकल्प' है।

निशीथ सूत्र सहित आचारांग को 'आचार-प्रकल्प' कहा जाता है। मूल आचारांग के शस्त्र-परिज्ञा आदि नौ अध्ययन हैं और दूसरा श्रुतस्कन्ध उसकी चूड़ा (शिखा) है। उसके १६ अध्ययन हैं। निशीथ के तीन अध्ययन हैं और वह भी आचारांग की ही चूड़ा है।

आचारांग प्रथम श्रुतस्कन्ध के नौ अध्ययन—

(१) शस्त्र-परिज्ञा,

(२) लोक-विचय,

(३) शीतोष्णीय,

(४) सम्यक्त्व,

(५) आवंती,

(६) धुत,

(७) विमोह,

(८) उपधान-श्रुत,

(९) महापरिज्ञा।

आचारांग द्वितीय श्रुतस्कन्ध के सोलह अध्ययन—

(१) पिंडैषणा,

(२) शय्या,

(३) ईर्या,

(४) भाषा,

(५) वस्त्रैषणा,

(६) पात्रैषणा,

(७) अवग्रह-प्रतिमा,

(१४) सप्तसप्तिका,

(१५) भावना,

(१६) विमुक्ति।

निशीथ के तीन अध्ययन—

(१) उद्घात

(२) अनुद्घात और

(३) आरोपण।

समवायांग में आचार-प्रकल्प के अठाईस प्रकार इस प्रकार है—

(१) एक महीने की आरोपणा

(२) एक महीने और पांच दिन की आरोपणा

(३) एक महीने और दस दिन की आरोपणा

(४) एक महीने और पन्द्रह दिन की आरोपणा

(५) एक महीने और बीस दिन की आरोपणा

(६) एक महीने और पच्चीस दिन की आरोपणा

(७) दो महीने की आरोपणा

(८) दो महीने और पांच दिन की आरोपणा

(९) दो महीने और दस दिन की आरोपणा

(१०) दो महीने और पन्द्रह दिन की आरोपणा

(११) दो महीने और बीस दिन की आरोपणा

(१२) दो महीने और पच्चीस दिन की आरोपणा

(१३) तीन महीने की आरोपणा

(१४) तीन महीने और पांच दिन की आरोपणा

(१५) तीन महीने और दस दिन की आरोपणा

(१६) तीन महीने और पन्द्रह दिन की आरोपणा

(१७) तीन महीने और बीस दिन की आरोपणा

(१८) तीन महीने और पच्चीस दिन की आरोपणा

(१९) चार महीने की आरोपणा

(२०) चार महीने और पांच दिन की आरोपणा

(२१) चार महीने और दस दिन की आरोपणा

(२२) चार महीने और पन्द्रह दिन की आरोपणा

(२३) चार महीने और बीस दिन की आरोपणा

(२४) चार महीने और पच्चीस दिन की आरोपणा

(२५) उपघातिकी आरोपणा।

(२६) अनुपघातिकी आरोपणा।

(२७) कृत्स्‍ना आरोपणा।

(२८) अकृत्स्‍ना आरोपणा।

३५. उनतीस पाप-श्रुत प्रसंगों में (पावसुयपसंगेसु)

पाप के उपादानकारणभूत जो शास्त्र हैं, उन्हें 'पापश्रुत' कहते हैं। उन शास्त्रों का प्रसंग अर्थात् अभ्यास—पापश्रुत प्रसंग है। वे २९ हैं—

(१) भौम—भूकम्प आदि के फल को बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(२) उत्पात—स्वाभाविक उत्पातों का फल बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(३) स्वप्‍न—स्वप्‍न के शुभाशुभ फल को बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(४) अंतरिक्ष—आकाश में उत्पन्न होने वाले नक्षत्रों के युद्ध का फला फल बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(५) अंग—अंग-स्फुरण का फल बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(६) स्वर—स्वर के शुभाशुभ फल का निरूपण करने वाला निमित्त-शास्त्र।

(७) व्यञ्जन—तिल, मसा आदि के फल को बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

(८) लक्षण—अनेक प्रकार के लक्षणों का फल बताने वाला निमित्त-शास्त्र।

इन आठों के तीन-तीन प्रकार होते हैं—(१) सूत्र, (२) वृत्ति और (३) वार्त्तिका। इस तरह २४ पापश्रुत प्रसंग हुए। अवशेष निम्‍न प्रकार हैं—

(२५) विकथानुयोग—अर्थ और काम के उपायों के प्रतिपादक ग्रन्थ। जैसे—कामन्दक, वात्स्यायन, भारत आदि।

(२६) विद्यानुयोग—रोहणी आदि विद्या की सिद्धि बताने वाला शास्त्र।

(२७) मन्त्रानुयोग—मंत्र-शास्त्र।

(२८) योगानुयोग—वशीकरण-शास्त्र, हर-मेखलादि शास्त्र।

(२९) अन्यतीर्थिक प्रवृत्तानुयोग—अन्यतीर्थिकों द्वारा प्रवर्तित शास्त्र।

देखिए—समवाओ, समवाय २९।

बृहद्वृत्ति (पत्र ६१७) में ये कुछ भिन्न प्रकार से मिलते हैं।

३६. तीस मोह के स्थानों में (मोहट्ठाणेसु)

मोहकर्म के परमाणु व्यक्ति को मूढ़ बनाते हैं। उनका संग्रह व्यक्ति अपनी ही दुष्प्रवृत्तियों से करता है। यहां महामोह उत्पन्न करने वाली तीस प्रवृत्तियों का उल्लेख है। वह इस प्रकार है :—

(१) त्रस-प्राणी को पानी में डुबो कर मारना।

(२) सिर पर चर्म आदि बांध कर मारना।

(३) हाथ से मुख बन्द कर सिसकते हुए प्राणी को मारना।

(४) मण्डप आदि में मनुष्यों को घेर, वहां अग्‍नि जला, धुंए की घुटन से उन्हें मारना।

(५) संक्लिष्ट चित्त से सिर पर प्रहार करना, उसे फोड़ डालना।

(६) विश्‍वासघात कर मारना।

(७) अनाचार को छिपाना, माया को माया से पराजित करना, की हुई प्रतिज्ञाओं को अस्वीकार करना।

(८) अपने द्वारा कृत हत्या आदि महादोष का दूसरे पर आरोप लगाना।

(९) यथार्थ को जानते हुए भी सभा के समक्ष मिश्र-भाषा बोलना—सत्यांश की ओट में बड़े झूठ को छिपाने का यत्‍न करना और कलह करते ही रहना।

(१०) अपने अधिकारी की स्त्रियों या अर्थ-व्यवस्था को अपने अधीन बना उसे अधिकार और भोग-सामग्री से वंचित कर डालना, रूखे शब्दों में उसकी भर्त्सना करना।

(११) बाल-ब्रह्मचारी न होने पर भी अपने आपको बाल-ब्रह्मचारी कहना।

(१२) अब्रह्मचारी होते हुए भी अपने आपको ब्रह्मचारी कहना।

(१३) जिसके सहारे जीविका चलाए, उसी के धन को हड़पना।

(१४) जिस ऐश्‍वर्यशाली व्यक्ति या जन-समूह के द्वारा ऐश्‍वर्य प्राप्त किया, उसी के भोगों का विच्छेद करना।

(१५) सर्पिणी का अपने अण्डे को निगलना; पोषण देने वाले व्यक्ति, सेनापति और प्रशास्ता को मार डालना।

(१६) राष्ट्र-नायक, निगम-नेता (व्यापारी-प्रमुख), सुप्रसिद्ध सेठ को मार डालना।

(१७) जो जनता के लिए द्वीप और त्राण हो, वैसे जन-नेता को मार डालना।

(१८) संयम के लिए तत्पर मुमुक्षु और संयमी साधु को संयम से विमुख करना।

(१९) अनन्त ज्ञानी का अवर्णवाद बोलना—सर्वज्ञता के प्रति अश्रद्धा उत्पन्न करना।

(२०) मोक्ष-मार्ग की निन्दा कर जनता को उससे विमुख करना।

(२१) जिन आचार्य और उपाध्याय से शिक्षा प्राप्त की हो उन्हीं की निन्दा करना।

(२२) आचार्य और उपाध्याय की सेवा और पूजा न करना।

(२३) अबहुश्रुत होते हुए भी अपने आपको बहुश्रुत कहना।

(२४) अतपस्वी होते हुए भी अपने आपको तपस्वी कहना।

(२५) ग्लान साधर्मिक की 'उसने मेरी सेवा नहीं की थी' इस कलुषित भावना से सेवा न करना।

(२६) ज्ञान, दर्शन और चारित्र का विनाश करने वाली कथाओं का बार-बार प्रयोग करना।

(२७) अपने मित्र आदि के लिए बार-बार निमित्त, वशीकरण आदि का प्रयोग करना।

(२८) मानवीय या पारलौकिक भोगों की लोगों के सामने निंदा करा और छिपे-छिपे उनका सेवन करते जाना।

(२९) देवताओं की ऋद्धि, द्युति, यश, बल और वीर्य का मखौल करना।

(३०) देव-दर्शन न होने पर भी मुझे देव-दर्शन हो रहा है—ऐसा कहना।

उक्त विवरण समवायांग (समवाय ३०) के आधार पर है। दशाश्रुतस्कन्ध (दशा ९) में प्रथम पांच स्थान कुछ परिवर्तन के साथ मिलते हैं—

समवायदशाश्रुतस्कन्ध
११
२५
३२
४३
५४

३७. सिद्धों के इकतीस आदि-(अतिशायी) गुणों...में (सिद्धाइगुण)

सिद्धों के ३१ आदि-गुण इस प्रकार हैं—

(१) आभिनिबोधिक ज्ञानावरण का क्षय

(२) श्रुत ज्ञानावरण का क्षय

(३) अवधि ज्ञानावरण का क्षय

(४) मन:पर्यव ज्ञानावरण का क्षय

(५) केवल ज्ञानावरण का क्षय

(६) चक्षु दर्शनावरण का क्षय

(७) अचक्षु दर्शनावरण का क्षय

(८) अवधि दर्शनावरण का क्षय

(९) केवल दर्शनावरण का क्षय

(१०) निद्रा का क्षय

(११) निद्रा-निद्रा का क्षय

(१२) प्रचला का क्षय

(१३) प्रचला-प्रचला का क्षय

(१४) स्त्यानर्द्धि का क्षय

(१५) सातावेदनीय का क्षय

(१६) असातावेदनीय का क्षय

(१७) दर्शन-मोहनीय का क्षय

(१८) चारित्र-मोहनीय का क्षय

(१९) नैरयिक आयुष्य का क्षय

(२०) तिर्यञ्च आयुष्य का क्षय

(२१) मनुष्य आयुष्य का क्षय

(२२) देव आयुष्य का क्षय

(२३) उच्च गोत्र का क्षय

(२४) नीच गोत्र का क्षय

(२५) शुभ नाम का क्षय

(२६) अशुभ नाम का क्षय

(२७) दानान्तराय का क्षय

(२८) लाभान्तराय का क्षय

(२९) भोगान्तराय का क्षय

(३०) उपभोगान्तराय का क्षय

(३१) वीर्यान्तराय का क्षय।

देखिए—समवाओ, समवाय ३१।

आचारांग में सिद्धों के गुण इस प्रकार बतलाए गए हैं। पांच संस्थान से रहित। संस्थान ये हैं—(१) दीर्घ-ह्रस्व, (२) वृत्त, (३) त्र्यस्त्र, (४) चतुरस्त्र और (५) परिमण्डल।

पांच वर्ण से रहित। वर्ण ये हैं—(६) कृष्ण, (७) नील, (८) लोहित, (९) हारिद्र और (१०) शुक्ल।

दो गंध से रहित। गंध ये हैं—(११) सुरभि गंध और (१२) दुरभि गंध।

पांच रस से रहित। रस ये हैं—(१३) तिक्त, (१४) कटुक, (१५) कषाय, (१६) आम्ल और (१७) मधुर।

आठ स्पर्श से रहित। स्पर्श ये हैं—(१८) कर्कश, (१९) मृदु, (२०) लघु, (२१) गुरु, (२२) शीत, (२३) ऊष्ण, (२४) स्‍निग्ध, (२५) रुक्ष।

(२६) अकाय, (२७) अरुह और (२८) असङ्ग।

तीन वेद से रहित। वेद ये हैं—(२९) स्त्री वेद, (३०) पुरुष वेद और (३१) नपुंसक वेद।

शान्त्याचार्य ने दोनों प्रकार मान्य किए हैं।

३८. बत्तीस योग संग्रहों...में (जोगेसु)

मन, वचन और काया के व्यापार को 'योग' कहते हैं। यहां प्रशस्त योगों का ही ग्रहण किया गया है। योग-संग्रह का अर्थ है 'प्रशस्त योगों का एकत्रीकरण'। ये बत्तीस हैं—

(१) आलोचना—शिष्य द्वारा गुरु के पास अपने दोषों का निवेदन करना।

(२) शिष्य द्वारा आलोचित दोषों को प्रकट न करना।

(३) आपत्ति में दृढ़-धर्मिता।

(४) अनिश्रितोपधान—दूसरों की सहायता के बिना ही तप:कर्म करना।

(५) शिक्षा—शास्त्रों का पठन-पाठन।

(६) निष्प्रतिकर्मता—शरीर की सार संभाल नहीं करना।

(७) अज्ञातता—अपनी तपस्या आदि को गुप्त रखना।

(८) अलोभता।

(९) तितिक्षा—परीषह आदि पर विजय।

(१०) आर्जव—ऋजुभाव।

(११) शुचि—सत्य और संयम।

(१२) सम्यग्-दृष्टि—सम्यग्-दर्शन की शुद्धि।

(१३) समाधि—चित्त-स्वास्थ्य।

(१४) आचारोपगत—माया-रहित होना।

(१५) विनयोपगत—मान-रहित होना।

(१६) धृतिमति—अदीनता।

(१७) संवेग—मोक्ष की अभिलाषा।

(१८) प्रणिधि—मायाशल्य से रहित होना।

(१९) सुविधि—सद्-अनुष्ठान।

(२०) संवर—आश्रव-निरोध।

(२१) आत्मदोषोपसंहार—अपने दोषों का निरोध।

(२२) सर्वकाम-विरक्तता—समस्त विषयों से विमुखता।

(२३) प्रत्याख्यान—मूल गुण विषयक।

(२४) प्रत्याख्यान—उत्तर गुण विषयक।

(२५) व्युत्सर्ग—कायोत्सर्ग।

(२६) अप्रमाद।

(२७) लवालव—क्षण-क्षण सामाचारी का पालन करना।

(२८) ध्यान-संवर-योग।

(२९) मारणान्तिक उदय—मरण के समय अक्षुब्ध रहना।

(३०) संग का त्याग—ज्ञ-प्रतिज्ञा और प्रत्याख्यान-प्रतिज्ञा से त्याग करना।

(३१) प्रायश्‍चित्त करना।

(३२) मारणान्तिक आराधना—शरीर और कषाय को क्षीण करने के लिए तपस्या करना।

देखिए—समवाओ, समवाय ३२।

३९. तेतीस आशातनाओं में (तेत्तीसासायणासु)

आशातना का अर्थ है—अविनय, अशिष्टता या अभद्र व्यवहार। दैनिक व्यवहारों के आधार पर उसके तेतीस विभाग किए गए हैं—

(१) छोटे साधु का बड़े साधु के आगे चलना।

(२) छोटे साधु का बड़े साधु के समश्रेणी में (बराबर) चलना।

(३) छोटे साधु का बड़े साधु से सट कर चलना।

(४) छोटे साधु का बड़े साधु के आगे खड़ा रहना।

(५) छोटे साधु का बड़े साधु के समश्रेणि में खड़ा रहना।

(६) छोटे साधु का बड़े साधु से सट कर खड़ा रहना।

(७) छोटे साधु का बड़े साधु के आगे बैठना।

(८) छोटे साधु का बड़े साधु के समश्रेणि में बैठना।

(९) छोटे साधु का बड़े साधु से सट कर बैठना।

(१०) छोटे साधु का बड़े साधु से पहले (एक जल-पात्र हो, उस स्थिति में) आचमन करना—शुचि लेना।

(११) छोटे साधु द्वारा स्थान में आकर बड़े साधु से पहले गमनागमन की आलोचना करना।

(१२) जिस व्यक्ति के साथ बड़े साधु को वार्तालाप करना है, उसके साथ छोटे साधु का पहले ही वार्तालाप करना।

(१३) बड़े साधु द्वारा यह पूछने पर कि कौन जागता है, कौन सो रहा है, छोटे साधु का जागते हुए भी उत्तर नहीं देना।

(१४) गृहस्थ के घर से भिक्षा ला पहले छोटे साधु के पास आलोचना करना—कहां से क्या, कैसे प्राप्त हुआ—यह बतलाना।

(१५) गृहस्थ के घर से भिक्षा ला पहले छोटे साधु को दिखा फिर बड़े साधु को।

(१६) गृहस्थ के घर से भिक्षा ला पहले छोटे साधु को निमंत्रित करना फिर बड़े साधु को।

(१७) गृहस्थ के घर से भिक्षा ला बड़े साधु को पूछे बिना अपने प्रिय-प्रिय साधुओं को प्रचुर-प्रचुर दे देना।

(१८) गृहस्थ के घर से भिक्षा ला बड़े साधु के साथ भोजन करते हुए सरस आहार खाने की उतावल करना।

(१९) बड़े साधु द्वारा आमंत्रित होने पर सुना अनसुना करना।

(२०) बड़े साधु द्वारा आमंत्रित होने पर अपने स्थान पर बैठे हुए उत्तर देना।

(२१) बड़े साधु को अनादर-भाव में 'क्या कह रहे हो'—इस प्रकार कहना।

(२२) बड़े साधु को तू कहना।

(२३) बड़े साधु को या उसके समक्ष अन्य किसी को रूखे शब्द से आमन्त्रित करना या जोर-जोर से बोलना।

(२४) बड़े साधु की—उसी का कोई शब्द पकड़—अवज्ञा करना।

(२५) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय 'यह ऐसे नहीं किन्तु ऐसे है'—इस प्रकार कहना।

(२६) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय 'आप भूल रहे हैं'—इस प्रकार कहना।

(२७) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय अन्यमनस्क होना।

(२८) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय बीच में ही परिषद् को भंग करना।

(२९) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय में बीच में ही कथा का विच्छेद करना—विघ्न उपस्थित करना।

(३०) बड़ा साधु व्याख्यान कर रहा हो, उस समय उसी विषय में अपनी व्याख्या देने का बार-बार प्रयत्‍न करना।

(३१) बड़े साधु के उपकरणों के पैर लग जाने पर विनम्रता पूर्वक क्षमा-याचना न करना।

(३२) बड़े साधु के बिछौने पर खड़े रहना, बैठना या सोना।

(३३) बड़े साधु से ऊंचे या बराबर के आसन पर खड़े रहना, बैठना या सोना।

आशातनाओं का यह विवरण दशाश्रुतस्कन्ध (दशा ३) के आधार पर दिया गया है। समवायांग (समवाय ३३) में ये कुछ क्रमभेद से प्राप्त हैं। आवश्यक (चतुर्थ आवश्यक) में ३३ आशातनाएं भिन्न प्रकार से प्राप्त हैं—

(१) अर्हतों की आशातना।

(२) सिद्धों की आशातना।

(३) आचार्यों की आशातना।

(४) उपाध्यायों की आशातना।

(५) साधुओं की आशातना।

(६) साध्वियों की आशातना।

(७) श्रावकों की आशातना।

(८) श्राविकाओं की आशातना।

(९) देवों की आशातना।

(१०) देवियों की आशातना।

(११) इहलोक की आशातना।

(१२) परलोक की आशातना।

(१३) केवलीप्रज्ञप्त धर्म की आशातना।

(१४) देव, मनुष्य और असुर सहित लोक की आशातना।

(१५) सर्व प्राण, भूत, जीव और सत्त्वों की आशातना।

(१६) काल की आशातना।

(१७) श्रुत की आशातना।

(१८) श्रुत-देवता की आशातना।

(१९) वाचनाचार्य की आशातना।

(२०) व्याविद्ध — व्यत्यासित वर्ण-विन्यास करना—कहीं के अक्षरों को कहीं बोलना।

(२१) व्यत्याम्रेडित — उच्चार्यमाण पाठ में दूसरे पाठों का मिश्रण करना।

(२२) हीनाक्षर — अक्षरों को न्यून कर उच्चारण करना।

(२३) अत्यक्षर — अक्षरों को अधिक कर उच्चारण करना।

(२४) पदहीन — पदों को कम कर उच्चारण करना।

(२५) विनयहीन — विराम-रहित उच्चारण करना।

(२६) घोषहीन — उदात्त आदि घोष-रहित उच्चारण करना।

(२७) योगहीन — सम्बन्ध-रहित उच्चारण करना।

(२८) सुष्ठुदत्त — योग्यता से अधिक ज्ञान देना।

(२९) दुष्ठु-प्रतीच्छित — ज्ञान को सम्यग्भाव से ग्रहण न करना।

(३०) अकाल में स्वाध्याय करना।

(३१) काल में स्वाध्याय न करना।

(३२) अस्वाध्याय की स्थिति में स्वाध्याय करना।

(३३) स्वाध्याय की स्थिति में स्वाध्याय न करना।

♦

बत्तीसवां अध्ययन : प्रमाद-स्थान

32

बत्तीसवां अध्ययन : प्रमादस्थान

आमुख

इस अध्ययन में प्रमाद के कारण तथा उनके निवारण के उपायों का प्रतिपादन किया गया है। इसलिए इसका नाम 'पमायट्ठाणं'—'प्रमादस्थान' है। प्रमाद साधना का विघ्न है। उसका निवारण कर साधक जितेन्द्रिय बनता है। प्रमाद के प्रकारों का विभिन्न क्रमों में संकलन हुआ है :

१. प्रमाद के पांच प्रकार—

मद्य, विषय, कषाय, निद्रा और विकथा।

२. प्रमाद के छह प्रकार—

मद्य, निद्रा, विषय, कषाय, द्यूत और प्रतिलेखना।

३. प्रमाद के आठ प्रकार—

अज्ञान, संशय, मिथ्या-ज्ञान, राग, द्वेष, स्मृति-भ्रंश, धर्म में अनादर, मन, वचन और काया का दुष्प्रणिधान।

मानसिक, वाचिक और कायिक—इन सभी दु:खों का मूल है विषयों की सतत आकांक्षा।

विषय आपात-भद्र (सेवन काल में सुखद) होते हैं किन्तु उनका परिणाम विरस होता है। शास्त्रकारों ने उन्हें 'किंपाक फल' की उपमा से उपमित किया है। (श्‍लोक २०)

आकांक्षा के मूल है—राग और द्वेष। वे संसार-भ्रमण के हेतु हैं। उनकी विद्यमानता में वीतरागता नहीं आती। वीतराग-भाव के बिना जितेन्द्रियता संपन्न नहीं होती।

जितेन्द्रियता का पहला साधन है—आहार-विवेक। साधक को प्रणीत आहार नहीं करना चाहिए। अतिमात्रा में भोजन नहीं करना चाहिए। बार-बार नहीं खाना चाहिए। प्रणीत या अतिमात्रा में किया हुआ आहार उद्दीपन करता है, उससे वासनाएं उभरती हैं और मन चंचल हो जाता है।

इसी प्रकार एकांतवास, अल्पभोजन, विषय में अननुरक्ति, दृष्टि-संयम, मन, वाणी और काया का संयम, चिन्तन की पवित्रता—ये भी जितेन्द्रिय बनने के साधन हैं।

प्रथम २१ श्‍लोकों में इन उपायों का विशद निरूपण हुआ है। पांच इन्द्रियों के विषयों में आसक्त होने से क्या-क्या दोष उत्पन्न होते हैं तथा उनके उत्पादन, संरक्षण और व्यापरण से क्या-क्या दु:ख उत्पन्न होते हैं? इन प्रश्‍नों का स्पष्ट समाधान मिलता है।

जब तक व्यक्ति इन सब उपायों को जानकर अपने आचरण में नहीं उतार लेता तब तक वह दु:खों के दारुण परिणामों से नहीं छूट सकता।

विषय अपने आप में अच्छा या बुरा कुछ भी नहीं है। वह व्यक्ति के राग-द्वेष से सम्मिश्रित होकर अच्छा या बुरा बनता है। इन्द्रिय तथा मन के विषय वीतराग के लिए दु:ख के हेतु नहीं हैं, राग-ग्रस्त व्यक्ति के लिए वे परम दारुण परिणाम वाले है।

इसलिए बन्धन और मुक्ति अपनी ही प्रवृत्ति पर अवलम्बित है।

जो साधक इन्द्रियों के विषयों के प्रति विरक्त है, उसे उनकी मनोज्ञता या अमनोज्ञता नहीं सताती। उसमें समता का विकास होता है। साम्य के विकास से काम-गुणों की तृष्णा का नाश हो जाता है और साधक उत्तरोत्तर गुणस्थानों में आरोह करता हुआ लक्ष्य को प्राप्त कर लेता है। (श्‍लोक १०६-१०८)

साधना की दृष्टि से इस अध्ययन का बहुत ही महत्त्वपूर्ण स्थान है। अप्रमाद ही साधना है। साधक को प्रतिपल अप्रमत्त या जागरूक रहना चाहिए। निर्युक्तिकार ने बताया है कि भगवान् ऋषभ साधना में प्राय: अप्रमत्त रहे। उनका साधना-काल हजार वर्ष का था। उसमें प्रमाद-काल एक दिन-रात का था। भगवान् महावीर ने बारह वर्ष और तेरह पक्ष तक साधना की। उसमें प्रमाद-काल एक अन्तर्मुहूर्त्त का था। दोनों तीर्थंकरों के प्रमाद-काल को निर्युक्तिकार ने 'संकलित-काल' कहा है। इसका तात्पर्य यह है कि एक दिन-रात और एक अन्तर्मुहूर्त्त का प्रमाद एक साथ नहीं हुआ था। किन्तु उसके साधना-काल में जो प्रमाद हुआ, उसे संकलित किया जाए तो वह एक दिन-रात और एक अन्तर्मुहूर्त्त का होता है।

शान्त्याचार्य ने बताया है कि कुछ आचार्य अनुपपत्ति के भय से भगवान् ऋषभ और महावीर के प्रमाद को केवल निद्रा-प्रमाद मानते हैं। किन्तु निर्युक्तिकार और शान्त्याचार्य का यह अभिमत नहीं है और वह संगत भी है। निर्युक्तिकार के निरूपण का उद्देश्य यह है कि जिस प्रकार भगवान ऋषभ और महावीर अधिक से अधिक अप्रमत्त रहे हैं, उसी प्रकार सब श्रमण भी अधिक से अधिक अप्रमत्त रहें।

बत्तीसइमं अज्झयणं : पमायट्ठाणं

बत्तीसवां अध्ययन : प्रमादस्थान

मूल

१. अच्चंतकालस्स समूलगस्स, सव्वस्स दुक्खस्स उ जो पमोक्खो।

तं भासओ मे पडिपुण्णचित्ता, सुणेह एगग्गहियं हियत्थं।।

हिन्‍दी अनुवाद

अनादिकालीन सब दु:खों और उनके कारणों (कषाय आदि) के १ मोक्ष का जो उपाय है वह मैं कह रहा हूं। वह एकाग्र्यहित (ध्यान के लिए हितकर) है, अत: तुम प्रतिपूर्ण चित्त होकर हित (मोक्ष) के लिए सुनो।

२. नाणस्स सव्वस्स पगासणाए, अण्णाणमोहस्स विवज्जणाए।

रागस्स दोसस्स य संखएणं, एगंतसोक्खं समुवेइ मोक्खं।।

सम्पूर्ण ज्ञान का प्रकाश, अज्ञान और मोह का२ नाश तथा राग और द्वेष का क्षय होने से आत्मा एकान्त सुखमय मोक्ष को प्राप्त होता है।

३. तस्सेस मग्गो गुरुविद्धसेवा, विवज्जणा बालजणस्स दूरा।

सज्झायएगंतनिसेवणा य, सुत्तत्थसंचिंतणया धिई य।।

गुरु और वृद्धों (स्थविर मुनियों) की३ सेवा करना, अज्ञानी-जनों का दूर से ही वर्जन करना, स्वाध्याय करना, एकान्तवास करना, सूत्र और अर्थ का चिन्तन करना तथा धैर्य४ रखना, यह मोक्ष का मार्ग है।

४. आहारमिच्छे मियमेसणिज्जं, सहायमिच्छे निउणत्थबुद्धिं।

निकेयमिच्छेज्ज विवेगजोग्गं, समाहिकामे समणे तवस्सी।।

समाधि चाहने वाला तपस्वी श्रमण परिमित और एषणीय आहार की इच्छा करे। जीव आदि पदार्थ के प्रति निपुण बुद्धि वाले गीतार्थ को सहायक बनाये और विविक्ता—एकांत घर में रहें।

५. न वा लभेज्जा निउणं सहायं, गुणाहियं वा गुणओ समं वा।

एक्को वि पावाइ विवज्जयंतो, विहरेज्ज कामेसु असज्जमाणो।।

यदि५ अपने से अधिक गुणवान् या अपने समान निपुण सहायक न मिले तो वह पापों का वर्जन करता हुआ, विषयों से अनासक्त रह कर अकेला ही विहार करे।६

६. जहा य अंडप्पभवा बलागा, अंडं बलागप्पभवं जहा य।

एमेव मोहाययणं खु तण्हं, मोहं च तण्हाययणं वयंति।।

जैसे बलाका अंडे से उत्पन्न होती है और अंडा बलाका से उत्पन्न होता है, उसी प्रकार तृष्णा मोह७ से उत्पन्न होती है और मोह तृष्णा से उत्पन्न होता है।

७. रागो य दोसो वि य कम्मबीयं, कम्मं च मोहप्पभवं वयंति।

कम्मं च जाईमरणस्स मूलं, दुक्खं च जाईमरणं वयंति।।

राग और द्वेष कर्म के बीज हैं। कर्म मोह से उत्पन्न होता है और वह जन्म-मरण का मूल है। जन्म-मरण को दु:ख कहा गया है।८

८. दुक्खं हयं जस्स न होइ मोहो, मोहो हओ जस्स न होइ तण्हा।

तण्हा हया जस्स न होइ लोहो, लोहो हओ जस्स न किंचणाइं।।

जिसके मोह नहीं है, उसने दु:ख का नाश कर दिया। जिसके तृष्णा नहीं है, उसने मोह का नाश कर दिया। जिसके लेाभ नहीं है, उसने तृष्णा का नाश कर दिया। जिसके पास कुछ नहीं है, उसने लोभ का नाश कर दिया।९

९. रागं च दोसं च तहेव मोहं, उद्धत्तुकामेण समूलजालं।

जे जे उवाया पडिवज्जियव्वा, ते कित्तइस्सामि अहाणुपुव्विं।।

राग, द्वेष और मोह का मूल सहित उन्मूलन चाहने वाले मनुष्य का जिन-जिन उपायों का आलम्बन लेना चाहिए उन्हें मैं क्रमश: कहूंगा।

१०. रसा पगामं न निसेवियव्वा, पायं रसा दित्तिकरा नराणं।

दित्तं च कामा समभिद्दवंति, दुमं जहा साउफलं व पक्खी।।

रसों का अधिक मात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए। वे प्राय: मनुष्य की धातुओं को उद्दीप्त करते हैं। जिसकी धातुएं उद्दीप्त होती हैं उसे काम-भोग सताते हैं, जैसे स्वादिष्ट फल वाले वृक्ष को पक्षी।१०

११. जहा दवग्गी पउरिंधणे वणे, समारुओ नोवसमं उवेइ।

एविंदियग्गी वि पगामभोइणो, न बंभयारिस्स हियाय कस्सई।।

जैसे पवन के झोंको के साथ प्रचुर इन्धन वाले वन में लगा हुआ दावानल उपशान्त नहीं होता, उसी प्रकार अतिमात्र खाने वाले की इन्द्रियाग्‍नि—कामाग्‍नि शान्त नहीं होती। इसलिए अतिमात्र भोजन किसी भी ब्रह्मचारी के लिए हितकर नहीं होता।

१२. विवित्तसेज्जासणजंतियाणं, ओमासणाणं दमिइंदियाणं।

न रागसत्तू धरिसेइ चित्तं, पराइओ वाहिरिवोसहेहिं।।

जो एकान्त बस्ती और एकान्त आसन में नियंत्रित होते हैं, जो कम खाते हैं और जितेन्द्रिय होते हैं, उनके चित्त को राग-शत्रु वैसे ही आक्रान्त नहीं कर सकता जैसे औषध से पराजित रोग देह को।

१३. जहा बिरालावसहस्स मूले, न मूसगाणं वसही पसत्था।

एमेव इत्थीनिलयस्स मज्झे, न बंभयारिस्स खमो निवासो।।

जैसे बिल्ली की बस्ती के पास चूहों का रहना अच्छा नहीं होता, उसी प्रकार स्त्रियों की बस्ती के पास ब्रह्मचारी का रहना अच्छा नहीं होता।

१४. न रूवलावण्णविलासहासं, न जंपियं इंगियपेहियं वा।

इत्थीण चित्तंसि निवेसइत्ता, दट्ठुं ववस्से समणे तवस्सी।।

तपस्वी श्रमण स्त्रियों के रूप, लावण्य, विलास, हास्य, मधुर आलाप, इङ्गित और चितवन को चित्त में रमा कर उन्हें देखने का संकल्प न करें।

१५. अदंसणं चेव अपत्थणं च, अचिंतणं चेव अकित्तणं च।

इत्थीजणस्सारियझाणजोग्गं, हियं सया बंभवए रयाणं।।

जो सदा ब्रह्मचर्य में रत है, उनके लिए स्त्रियों को न देखना, न चाहना, न चिन्तन करना और न वर्णन करना हितकर है तथा आर्य-ध्यान—धर्म-ध्यान के लिए उपयुक्त है।

१६. कामं तु देवीहि विभूसियाहिं, न चाइया खोभइउं तिगुत्ता।

तहा वि एगंतहियं ति नच्चा, विवित्तवासो मुणिणं पसत्थो।।

यह ठीक है कि तीन गुप्तियों से गुप्त मुनियों को विभूषित देवियां भी विचलित नही कर सकती, फिर भी भगवान् ने एकान्त हित की दृष्टि से उनके विविक्त-वास को प्रशस्त कहा है।

१७. मोक्खाभिकंखिस्स वि माणवस्स, संसारभीरुस्स ठियस्स धम्मे।

नेयारिसं दुत्तरमत्थि लोए, जहित्थिओ बालमणोहराओ।।

मोक्ष चाहने वाले संसार-भीरु एवं धर्म में स्थित मनुष्य के लिए लोक में और कोई वस्तु ऐसी दुस्तर नहीं है, जैसे दुस्तर अज्ञानियों के मन को हरने वाली स्त्रियां हैं।

१८. एए य संगे समइक्कमित्ता, सुहुत्तरा चेव भवंति सेसा।

जहा महासागरमुत्तरित्ता, नई भवे अवि गंगासमाणा।।

जो मनुष्य इन स्त्री-विषयक आसक्तियों का पार पा जाता है, उसके लिए शेष सारी आसक्तियां वैसे ही सुतर (सुख से पार पाने योग्य) हो जाती है जैसे महासागर का पार पाने वाले के लिए गंगा जैसी नदी।

१९. कामाणुगिद्धिप्पभवं खु दुक्खं, सव्वस्स लोगस्स सदेवगस्स।

जं काइयं माणसियं च किंचि, तस्संतगं गच्छइ वीयरागो।।

सब जीवों के और क्या देवताओं के भी जो कुछ कायिक और मानसिक दु:ख है, वह काम-भोगों की सतत अभिलाषा से उत्पन्न होता है। वीतराग उस दु:ख का अंत पा जाता है।

२०. जहा य किंपागफला मणोरमा, रसेण वण्णेण य भुज्जमाणा।

ते खुड्डए जीविय पच्चमाणा, एओवमा कामगुणा विवागे।।

जैसे किंपाक फल खाने के समय रस और वर्ण से मनोरम होते हैं और परिपाक के समय जीवन का अन्त कर देते हैं ११, कामगुण भी विपाक काल में ऐसे ही होते हैं।

२१. जे इंदियाणं विसया मणुण्णा, न तेसु भावं निसिरे कयाइ।

न यामणुण्णेसु मणं पि कुज्जा, समाहिकामे समणे तवस्सी।।

समाधि चाहने वाला तपस्वी श्रमण इन्द्रियों के जो मनोज्ञ विषय हैं उनकी ओर भी मन न करे—राग न करे और जो अमनोज्ञ विषय में उनकी ओर भी मन न करे—द्वेष न करे।

२२. चक्खुस्स रूवं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, समो य जो तेसु स वीयरागो।।

रूप चक्षु का ग्राह्य—विषय है। जो रूप राग का हेतु होता है उसे मनेाज्ञ कहा जाता है, जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ रूपों में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

२३. रूवस्स चक्खुं गहणं वयंति, चक्खुस्स रूवं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

चक्षु रूप का ग्रहण करता है। रूप चक्षु का ग्राह्य है। जो रूप राग का हेतु होता है उसे मनोज्ञ कहा जाता है और जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।१२

२४. रूवेसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे से जह वा पयंगे, आलोयलोले समुवेइ मच्चुं।।

जो मनोज्ञ रूपों में तीव्र आसक्ति१३ करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है, जैसे प्रकाश-लोलुप पतंगा रूप में आसक्त होकर मृत्यु को प्राप्त होता है।

२५. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, न किंचि रूवं अवरज्झई से।।

जो अमनोज्ञ रूपों में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है। रूप उसका कोई अपराध नहीं करता।

२६. एगंतरत्ते रुइरंसि रूवे, अतालिसे से कुणई पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर रूप में एकान्त अनुरक्त होता है और अमनोहर रूप में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

२७. रूवाणुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेगरूवे।

चित्तेहि ते परितावेइ बाले, पीलेइ अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोज्ञ रूप की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेश-युक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार से उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

२८. रूवाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

रूप में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है। इन सब में उसे सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में भी उसे अतृप्ति ही होती है।

२९. रूवे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेइ तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो रूप में अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे सन्तुष्टि नहीं मिलती। वह असन्तुष्टि के दोष से दु:खी और लोभग्रस्त होकर दूसरों की वस्तुएं चुरा लेता है।

३०. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहारिणो, रूवे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चोरी करता है और रूप तथा परिग्रह में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती हे। माया- मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

३१. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य, पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, रूवे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह रूप में अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रय-हीन हो जाता है।

३२. रूवाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कएण दुक्खं।।

रूप में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है—कष्ट झेलता है—वह उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

३३. एमेव रूवम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

पदुट्ठचित्तो य चिणाइ कम्मं, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकार जो रूप में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेष-युक्त चित्त वाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है। वही परिणाम-काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

३४. रूवे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पए भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

रूप से विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल से लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रह कर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

३५. सोयस्स सद्दं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, समो य जो तेसु स वीयरागो।।

शब्द श्रोत्र का ग्राह्य-विषय है। जो शब्द राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ शब्दों में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

३६. सद्दस्स सोयं गहणं वयंति, सोयस्स सद्दं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

श्रोत्र शब्द का ग्रहण करता है। शब्द श्रोत्र का ग्राह्य है। जो शब्द राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।

३७. सद्देसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे हरिणमिगे व मुद्धे, सद्दे अतित्ते समुवेइ मच्चुं।।

जो मनोज्ञ शब्दों में तीव्र आसक्ति करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है। जैसे—शब्द में अतृप्त बना हुआ रागातुर मुग्ध हरिण नामक पशु१४ मृत्यु को प्राप्त होता है।

३८. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, न किंचि सद्दं अवरज्झई से।।

जो मनोज्ञ शब्द में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है, शब्द उसका कोई अपराध नहीं करता।

३९. एगंतरत्ते रुइरंसि सद्दे, अतालिसे से कुणई पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर शब्द में एकान्त अनुरक्त होता है और अमनोहर शब्द में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

४०. सद्दाणुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेगरूवे।

चित्तेहि ते परियावेइ बाले, पीलेइ अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोहर शब्द की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेश-युक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार से उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

४१. सद्दाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

शब्द में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है, इन सबमें उसे सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में उसे अतृप्ति ही होती है।

४२. सद्दे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेइ तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो शब्द से अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे संतुष्टि नहीं मिलती। वह असंतुष्टि के दोष से दु:खी और लोभग्रस्त होकर दूसरे की शब्दवान् वस्तुएं चुरा लेता है।

४३. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहारिणो, सद्दे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चोरी करता है और शब्द परिग्रहण में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती है। माया-मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

४४. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य, पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, सद्दे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह शब्द में अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रयहीन हो जाता है।

४५. सद्दाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कएण दुक्खं।।

शब्द में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है, उस उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

४६. एमेव सद्दम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

पदुट्ठचित्तो य चिणाइ कम्मं, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकार जो शब्द में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेष-युक्त चित्तवाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है, वही परिणाम-काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

४७. सद्दे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पए भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

शब्द से विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल में लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रह कर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

४८. घाणस्स गंधं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, समो य जो तेसु स वीयरागो।।

गन्ध-घ्राण का ग्राह्य—विषय है। जो गन्ध राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ गन्धों में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

४९. गंधस्स घाणं गहणं वयंति, घाणस्स गंधं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

घ्राण गन्ध को ग्रहण करता है। गन्ध घ्राण का ग्राह्य हे। जो गन्ध राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।

५०. गंधेसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे ओसहिगंधगिद्धे, सप्पे बिलाओ विव निक्खमंते।।

जो मनोज्ञ गन्ध में तीव्र आसक्ति करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है। जैसे नाग-दमनी आदि औषधियों१५ के गन्ध में गृद्ध बिल से निकलता हुआ रागातुर सर्प।

५१. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, न किंचि गंधं अवरज्झई से।।

जो अमनोज्ञ गन्ध में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दुम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है। गन्ध उसका कोई अपराध नहीं करता।

५२. एगंतरत्ते रुइरंसि गंधे, अतालिसे से कुणई पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर गन्ध में एकान्त अनुरक्त होता है और अमनोहर गन्ध में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

५३. गंधाणुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेगरूवे।

चित्तेहि ते परितावेइ बाले, पीलेइ अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोज्ञ गन्ध की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेश-युक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार के उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

५४. गंधाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

गन्ध में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है। इन सबमें उसे सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में भी उसे अतृप्ति ही होती है।

५५. गंधे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेइ तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो गन्ध में अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे संतुष्टि नहीं मिलती। वह असंतुष्टि के दोष से दु:खी और लोभ-ग्रस्त होकर दूसरे की गन्धवान् वस्तुएं चुरा लेता है।

५६. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहारिणो, गंधे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चोरी करता है और गन्ध-परिग्रहण में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती है। माया-मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

५७. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य, पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, गंधे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह गन्ध से अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रयहीन हो जाता है।

५८. गंधाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कएण दुक्खं।।

गन्ध में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है, उस उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

५९. एमेव गंधम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

पदुट्ठचित्तो य चिणाइ कम्मं, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकर जो गन्ध में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेषयुक्त चित्त वाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है। वही परिणाम काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

६०. गंधे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पई भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

गन्ध से विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल में लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रहकर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

६१. जिहाए रसं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, समो य जो तेसु स वीयरागो।।

रस रसना का ग्राह्य—विषय है। जो रस राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ रसो में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

६२. रसस्स जिब्भं गहणं वयंति, जिब्भाए रसं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

रसना रस का ग्रहण करती है। रस रसना का ग्राह्य है। जो रस राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।

६३. रसेसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे बडिसविभिन्नकाए, मच्छे जहा आमिसभोगगिद्धे।।

जो मनोज्ञ रसो में तीव्र आसक्ति करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है, जैसे मांस खाने में गृद्ध बना हुआ रागातुर मत्स्य कांटे से बींधा जाता है।

६४. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, रसं न किंचि अवरज्झई से।।

जो अमनोज्ञ गन्ध में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दुम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है। रस उसका कोई अपराध नहीं करता।

६५. एगंतरत्ते रुइरे रसम्मि, अतालिसे से कुणई पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर रसों में एकान्त अनुरक्त रहता है और अमनोहर रस में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

६६. रसाणुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेगरूवे।

चित्तेहि ते परितावेइ बाले, पीलेई अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोहर रस की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेशयुक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार के उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

६७. रसाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

रस में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है। इन सबमें उसें सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में भी उसे अतृप्ति ही होती है।

६८. रसे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेइ तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो रस में अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे संतुष्टि नहीं मिलती। वह असंतुष्टि के दोष से दु:खी और लोभ-ग्रस्त होकर दूसरे की रसवान् वस्तुएं चुरा लेता है।

६९. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहारिणो, रसे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चोरी करता है और रस-परिग्रहण में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती है। माया-मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

७०. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य,पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, रसे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह गन्ध से अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रयहीन हो जाता है।

७१. रसाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कए ण दुक्खं।।

रस में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है, उस उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

७२. एमेव रसम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

पदुट्ठचित्तो य चिणाइ कम्मं, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकर जो रस में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेष-युक्त चित्त वाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है। वही परिणाम-काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

७३. रसे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पई भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

रस से विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल में लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रहकर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

७४. कायस्स फासं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, समो य जो तेसु स वीयरागो।।

स्पर्श काय का ग्राह्य—विषय है। जो स्पर्श राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ स्पर्शों में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

७५. फासस्स कायं गहणं वयंति, कायस्स फासं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

काय स्पर्श का ग्रहण करता है। स्पर्श काय का ग्राह्य है। जो स्पर्श राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।

७६. फासेसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे सीयजलावसन्ने, गाहग्गहीए महिसे वरण्णे।।

जो मनोज्ञ स्पर्शों में तीव्र आसक्ति करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है, जैसे घड़ियाल के द्वारा पकड़ा हुआ अरण्य-जलाशय के शीतल जल में स्पर्श में मग्‍न बना, रागातुर भैंसा।

७७. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, न किंचि फासं अवरज्झई से।।

जो अमनोज्ञ स्पर्श में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दुम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है। स्पर्श उसका कोई अपराध नहीं करता।

७८. एगंतरत्ते रुइरंसि फासे, अतालिसे से कुणई पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर स्पर्श में एकान्त अनुरक्त होता है और अमनोहर रस में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

७९. फासाणुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेगरूवे।

चित्तेहि ते परितावेइ बाले, पीलेइ अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोहर स्पर्श की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेश-युक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार के उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

८०. फासाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

स्पर्श में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है। इन सबमें उसे सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में उसे अतृप्ति ही होती है।

८१. फासे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेई तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो स्पर्श से अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे संतुष्टि नहीं मिलती। वह असंतुष्टि के दोष से दु:खी और लोभग्रस्त होकर दूसरे की स्पर्शवान् वस्तुएं चुरा लेता है।

८२. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहरिणो, फासे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चेारी करता है और स्पर्श परिग्रहण में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती है। माया-मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

८३. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य, पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, फासे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह स्पर्श में अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रयहीन हो जाता है।

८४. फासाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कएण दुक्खं।।

स्पर्श में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है, उस उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

८५. एमेव फासम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकार जो स्पर्श में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेषयुक्त चित्त वाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है, वही परिणाम-काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

८६. फासे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पए भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

स्पर्श से विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल में लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रह कर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

८७. मणस्स भावं गहणं वयंति, तं रागहेउं तु मणुण्णमाहु।

तं दोसहेउं अमणुण्णमाहु, न समो य जो तेसु स वीयरागो।।

भाव मन का१६ग्राह्य—विषय है। जो भाव राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है। जो मनोज्ञ और अमनोज्ञ भावों में समान रहता है, वह वीतराग होता है।

८८. भावस्स मणं गहणं वयंति, मणस्स भावं गहणं वयंति।

रागस्स हेउं समणुण्णमाहु, दोसस्स हेउं अमणुण्णमाहु।।

मन भाव का ग्रहण करता है। भाव मन का ग्राह्य है। जो भाव राग का हेतु होता है, उसे मनोज्ञ कहा जाता है। जो द्वेष का हेतु होता है, उसे अमनोज्ञ कहा जाता है।

८९. भावेसु जो गिद्धिमुवेइ तिव्वं, अकालियं पावइ से विणासं।

रागाउरे कामगुणेसु गिद्धे, करेणुमग्गावहिए व नागे।।

जो मनोज्ञ भावों में तीव्र आसक्ति करता है, वह अकाल में ही विनाश को प्राप्त होता है, जैसे हथिनी के पथ में आकृष्ट काम-गुणों में गृद्ध बना हुआ रागातुर हाथी।

९०. जे यावि दोसं समुवेइ तिव्वं, तंसि क्खणे से उ उवेइ दुक्खं।

दुद्दंतदोसेण सएण जंतू, न किंचि भावं अवरज्झई से।।

जो अमनोज्ञ गन्ध में तीव्र द्वेष करता है, वह अपने दुर्दुम दोष से उसी क्षण दु:ख को प्राप्त होता है। भाव उसका कोई अपराध नहीं करता।

९१. एगंतरत्ते रुइरंसि भावे, अतालिसे से कुणइ पओसं।

दुक्खस्स संपीलमुवेइ बाले, न लिप्पई तेण मुणी विरागो।।

जो मनोहर भाव में एकान्त अनुरक्त रहता है और अमनोहर भाव में द्वेष करता है, वह अज्ञानी दु:खात्मक पीड़ा को प्राप्त होता है। इसलिए विरक्त मुनि उनमें लिप्त नहीं होता।

९२. भावानुगासाणुगए य जीवे, चराचरे हिंसइणेग रूवे।

चित्तेहि ते परितावेइ बाले, पीलेइ अत्तट्ठगुरू किलिट्ठे।।

मनोहर भाव की अभिलाषा के पीछे चलने वाला पुरुष अनेक प्रकार के त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा करता है। अपने प्रयोजन को प्रधान मानने वाला वह क्लेशयुक्त अज्ञानी पुरुष नाना प्रकार के उन चराचर जीवों को परितप्त और पीड़ित करता है।

९३. भावाणुवाएण परिग्गहेण, उप्पायणे रक्खणसन्निओगे।

वए विओगे य कहिं सुहं से?, संभोगकाले य अतित्तिलाभे।।

भाव में अनुराग और ममत्व का भाव होने के कारण मनुष्य उसका उत्पादन, रक्षण और व्यापार करता है। उसका व्यय और वियोग होता है। इन सबमें उसे सुख कहां है? और क्या, उसके उपभोग-काल में भी उसे अतृप्ति ही होती है।

९४. भावे अतित्ते य परिग्गहे य, सत्तोवसत्तो न उवेइ तुट्ठिं।

अतुट्ठिदोसेण दुही परस्स, लोभाविले आययई अदत्तं।।

जो भाव में अतृप्त होता है और उसके परिग्रहण में आसक्त-उपसक्त होता है, उसे संतुष्टि नहीं मिलती। वह असंतुष्टि के दोष से दु:खी और लोभ-ग्रस्त होकर दूसरे की वस्तुएं चुरा लेता है।

९५. तण्हाभिभूयस्स अदत्तहारिणो, भावे अतित्तस्स परिग्गहे य।

मायामुसं वड्ढइ लोभदोसा, तत्थावि दुक्खा न विमुच्चई से।।

वह तृष्णा से पराजित होकर चोरी करता है और भाव-परिग्रहण में अतृप्त होता है। अतृप्ति-दोष के कारण उसके माया-मृषा की वृद्धि होती है। माया-मृषा का प्रयोग करने पर भी वह दु:ख से मुक्त नहीं होता।

९६. मोसस्स पच्छा य पुरत्थओ य, पओगकाले य दुही दुरंते।

एवं अदत्ताणि समाययंतो, भावे अतित्तो दुहिओ अणिस्सो।।

असत्य बोलने के पश्‍चात्, पहले और बोलते समय वह दु:खी होता है। उसका पर्यवसान भी दु:खमय होता है। इस प्रकार वह भाव में अतृप्त होकर चोरी करता हुआ दु:खी और आश्रयहीन हो जाता है।

९७. भावाणुरत्तस्स नरस्स एवं, कत्तो सुहं होज्ज कयाइ किंचि?।

तत्थोवभोगे वि किलेसदुक्खं, निव्वत्तई जस्स कएण दुक्खं।।

भाव में अनुरक्त पुरुष को उक्त कथनानुसार कदाचित् किंचित् सुख भी कहां से होगा? जिस उपभोग के लिए वह दु:ख प्राप्त करता है, उस उपभोग में भी क्लेश-दु:ख (अतृप्ति का दु:ख) बना रहता है।

९८. एमेव भावम्मि गओ पओसं, उवेइ दुक्खोहपरंपराओ।

पदुट्ठचित्तो य चिणाइ कम्मं, जं से पुणो होइ दुहं विवागे।।

इसी प्रकार जो भाव में द्वेष रखता है, वह उत्तरोत्तर अनेक दु:खों को प्राप्त होता है। प्रद्वेष-युक्त चित्तवाला व्यक्ति कर्म का बन्ध करता है, वही परिणाम-काल में उसके लिए दु:ख का हेतु बनता है।

९९. भावे विरत्तो मणुओ विसोगो, एएण दुक्खोहपरंपरेण।

न लिप्पई भवमज्झे वि संतो, जलेण वा पोक्खरिणीपलासं।।

भाव में विरक्त मनुष्य शोक-मुक्त बन जाता है। जैसे कमलिनी का पत्र जल में लिप्त नहीं होता, वैसे ही वह संसार में रह कर अनेक दु:खों की परम्परा से लिप्त नहीं होता।

१००. एविंदियत्था य मणस्स अत्था, दुक्खस्स हेउं मणुयस्स रागिणो।

ते चेव थोवं पि कयाइ दुक्खं, न वीयरागस्स करेंति किंचि।।

इस प्रकार इन्द्रिय और मन के विषय रागी मनुष्य के लिए दु:ख के हेतु होते हैं। वे वीतराग के लिए कभी किंचित् भी दु:खदायी नहीं होते।

१०१. न कामभोगा समयं उवेंति, न यावि भोगा विगइं उवेंति।

जे तप्पओसी य परिग्गही य, सो तेसु मोहा विगइं उवेइ।।

काम-भोग समता के हेतु भी नहीं होते और विकार के हेतु भी नहीं होते। जो पुरुष उनके प्रति द्वेष या राग करता है, वह तद्विषयक मोह के कारण विकार को प्राप्त होता है।

१०२. कोहं च माणं च तहेव मायं, लोहं दुगुंछं अरइं रइं च।

हासं भयं सोगपुमित्थिवेयं, नपुंसवेयं विविहे य भावे।।

जो काम-गुणों में आसक्त होता है, वह क्रोध, मान, माया, लोभ, जुगुप्सा, अरति, रति, हास्य, भय, शोक, पुरुष, वेद, स्त्री-वेद, नपुंसक-वेद आदि विविध भावों को—

१०३. आवज्जई एवमणेगरूवे, एवंविहे कामगुणेसु सत्तो।

अन्ने य एयप्पभवे विसेसे, कारुण्णदीणे हिरिमे वइस्से।।

इसी प्रकार अनेक प्रकार के विकारों को और उनसे उत्पन्न अन्य परिणामों को प्राप्त होता है और वह करुणास्पद, दीन, लज्जित और अप्रिय बन जाता है।

१०४. कप्पं न इच्छिज्ज सहायलिच्छू, पच्छाणुतावेय तवप्पभावं।

एवं वियारे अमियप्पयारे, आवज्जई इंदियचोरवस्से।।

'यह मेरी शारीरिक सेवा करेगा'—इस लिप्सा से कल्प (योग्य शिष्य) की भी इच्छा न करे। तपस्या के प्रभाव (लब्धि आदि) की इच्छा न करे और तप का प्रभाव न होने पर पश्‍चात्ताप न करे। जो ऐसी इच्छा करता है वह इन्द्रियरूप चोरों का१७ वशवर्ती बना हुआ अपरिमित प्रकार के विकारों को१८ प्राप्त होता है।

१०५. तओ से जायंति पओयणाइं, निमज्जिउं मोहमहण्णवम्मि।

सुहेसिणो दुक्खविणोयणट्ठा, तप्पच्चयं उज्जमए य रागी।।

विकारों की प्राप्ति के पश्‍चात् उसके समक्ष उसे मोह-महार्णव में डुबोने वाले विषय-सेवन के प्रयोजन उपस्थित होते हैं। फिर वह सुख की प्राप्ति और दु:ख के विनाश के लिए अनुरक्त बनकर उन प्रयोजनों की पूर्ति के लिए उद्यम करता है।

१०६. विरज्जमाणस्स य इंदियत्था, सद्दाइया तावइयप्पगारा।

न तस्स सव्वे वि मणुण्णयं वा, निव्वत्तयंती अमणुण्णयं वा।।

जितने प्रकार के शब्द आदि इन्द्रिय-विषय हैं, वे सब विरक्त मनुष्य के मन में मनोज्ञता या अमनोज्ञता उत्पन्न नहीं करते।

१०७. एवं ससंकप्पविकप्पणासो, संजायई समयमुवट्ठियस्स।

अत्थे असंकप्पयतो तओ से, पहीयए कामगुणेसु तण्हा।।

इस प्रकार जो समता को प्राप्त हो जाता है, उसके संकल्प और विकल्प नष्ट हो जाते हैं। जो अर्थों—इन्द्रिय-विषयों का संकल्प नहीं करता, उसके कामगुणों में होने वाली तृष्णा प्रक्षीण हो जाती है।१९

१०८. स वीयरागो कयसव्वकिच्चो, खवेइ नाणावरणं खणेणं।

तहेव जं दंसणमावरेइ, जं चंतरायं पकरेइ कम्मं।।

फिर वह वीतराग सब दिशाओं में कृतकृत्य होकर क्षण भर में ज्ञानावरण को क्षीण कर देता है। उसी प्रकार जो कर्म दर्शन का आवरण करता है और जो कर्म अन्तराय (विघ्न) करता है, उस दर्शनावरण और अंतराय कर्म को क्षीण कर देता है।

१०९. सव्वं तओ जाणइ पासए य, अमोहणे होइ निरंतराए।

अणासवे झाणसमाहिजुत्ते, आउक्खए मोक्खमुवेइ सुद्धे।।

तत्पश्‍चात् वह सब कुछ जानता और देखता है तथा मोह और अन्तराय रहित हो जाता है। अन्त में वह आश्रव रहित और ध्यान के द्वारा समाधि में लीन और शुद्ध होकर आयुष्य का क्षय होते ही मोक्ष को प्राप्त कर लेता है।

११०. सो तस्स सव्वस्स दुहस्स मुक्को, जं बाहई सययं जंतुमेयं।

दीहामयविप्पमुक्को पसत्थो, तो होइ अच्चंतसुही कयत्थो।।

जो इस जीव को निरन्तर पीड़ित करता है, उस अशेष दु:ख और दीर्घकालीन कर्म-रोग से वह मुक्त हो जाता है। इसलिए वह प्रशंसनीय, अत्यन्त सुखी और कृतार्थ हो जाता है।

१११. अणाइकालप्पभवस्स एसो, सव्वस्स दुक्खस्स पमोक्खमग्गो।

वियाहिओ जं समुविच्च सत्ता, कमेण अच्चंतसुही भवंति।।

मैंने अनादिकालीन सब दु:खों से मुक्त होने का मार्ग बताया है, उसे स्वीकार कर जीव क्रमश: अत्यंत सुखी हो जाते हैं।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३२ : प्रमादस्थान

१. (अच्चंतकालस्स समूलगस्स)

अन्त का अर्थ है 'छोर'। वस्तु के दो छोर होते हैं—आरम्भ और समाप्ति। यहां आरम्भ क्षण का ग्रहण किया गया है। इसका शब्दार्थ है—जिनका आरम्भ न हो वैसा काल अर्थात् अनादि-काल।

'समूलगस्स' का अर्थ है—मूल-सहित। दु:ख का मूल कषाय और अविरति है। इसलिए उसे 'समूलक' अर्थात् कषाय-अविरति मूलक कहा जाता है।

२. अज्ञान और मोह का (अण्णाण मोहस्स)

अज्ञान और मोह में एक आन्तरिक संबंध है। ज्ञान मोह के कारण ही अज्ञान बनता है। ज्ञानावरण कर्म का क्षयोपशम ज्ञान और अज्ञान—दोनों में होता है। जिस ज्ञान के साथ दर्शनमोह के परमाणुओं का प्रवाह मिल जाता है वह ज्ञान अज्ञान बन जाता है। उससे तत्त्वश्रद्धा विपरीत हो जाती है। ज्ञान को अज्ञान बनाने वाला दर्शनमोह है। उसका विलय मोक्ष का पहला सोपान है।

३. गुरु और वृद्धों की (गुरुविद्ध)

गुरु का अर्थ है 'शास्त्र को यथावत् बताने वाला'। वृद्ध तीन प्रकार के होते हैं—(१) श्रुत-वृद्ध, (२) पर्याय-वृद्ध और (३) वयो-वृद्ध।

४. धैर्य (धिई)

धृति का अर्थ है—मन का नियमन करने वाली शक्ति। आयुर्वेद में यही अर्थ प्राप्त है। वृत्तिकार ने इसका अर्थ चित्त की स्वस्थता, चित्त की अनुद्विघ्नता किया है। प्रस्तुत सूत्र में निगमन है कि चित्त की स्वस्थता के बिना ज्ञान का लाभ नहीं हो सकता। कहा है—'स्वस्थे चित्ते बुद्धय: प्रस्फुरन्ति'।

५. (श्‍लोक ५)

मिलाइए—दशवैकालिक चूलिका, २।१०।

६. अकेला ही विहार करे (एक्को वि.....विहरेज्ज)

सामान्य स्थिति में मुनि के लिए एकलविहार विहित नहीं है। स्थानांग में एकलविहार करने वाले की योग्यता का निर्देश है। निर्दिष्ट योग्यता वाला मुनि ही आचार्य की अनुमति प्राप्त कर एकलविहार प्रतिमा को स्वीकार कर सकता है। प्रस्तुत श्‍लोक में एकलविहार प्रतिमा का प्रतिपादन नहीं है। इसमें आपवादिक स्थिति का उल्लेख है। यदि ऐसी स्थिति आ जाए कि अपने से अधिक गुणवाला और समान गुणवाला कोई मुनि न मिले, उस अवस्था में मुनि अकेला रहता हुआ अपनी साधना करे।

७. मोह.....(मोह....)

मोह का शाब्दिक अर्थ है—मूर्च्छा, मूढ़ता, चैतन्य की वि—ति। प्रवचनसार में मोह के तीन चिन्ह बतलाए गए हैं७—(१) तत्त्व का अयथार्थ ग्रहण, (२) तिर्यञ्च और मनुष्य में होने वाली करुणा, (३) विषय का प्रसंग। क्रोध, मान आदि मोह के प्रकार हैं। उन सबके समूह का नाम मोह है।

८. (श्‍लोक ७)

प्रस्तुत श्‍लोक में जन्म और मरण को दु:ख कहा गया है। इसका सामान्य अर्थ है कि जन्म और मरण एक चक्र है। वह निरंतर चलता रहता है। उसमें अनेक दु:ख भोगे जाते हैं, इस अपेक्षा से जन्म-मरण दु:ख है।

वृत्तिकार ने दु:ख की व्याख्या को एक नया आयाम दिया है। उनके अनुसार जन्म और मत्यु के क्षण दु:खद होते हैं। उन क्षणों में प्राणी संतप्त होता है, तनाव से भर जाता है। उस तनाव के कारण अपने जन्म की स्मृति को विसार देता है। उस तनाव की अपेक्षा से ही जन्म और मरण को दु:ख कहा गया है।

९. (श्‍लोक ८)

मोह चेतना की मूर्च्छा है। वह तृष्णा—प्यास, अविरति उत्पन्न करता है। तृष्णा लोभ—पदार्थ संग्रह की वृत्ति को उत्पन्न करती है। उससे प्रेरित व्यक्ति पदार्थ का संग्रह करता है। यह एक चक्र है। इसको वही तोड़ सकता है जो सबसे पहले मोह पर प्रहार करता है। मोह के टूटते ही तृष्णा टूट जाती है। तृष्णा के टूटते ही लोभ टूट जाता है और लोभ के टूटते ही व्यक्ति पदार्थ-संग्रह से विरत हो जाता है, अकिंचन हो जाता है।

१०. (श्‍लोक १०)

इस श्‍लोक में बताया गया है कि ब्रह्मचारी को घी, दूध, दही आदि रसों का अतिमात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए। यहां रस-सेवन का आत्यन्तिक निषेध नहीं है, किन्तु अतिमात्रा में उनके सेवन का निषेध है।

जैन आगम भोजन के सम्बन्ध में ब्रह्मचारी को जो निर्देश देते हैं, उनमें दो ये हैं—

(१) वह रसों को अतिमात्रा में न खाए और।

(२) वह रसों को बार-बार या प्रतिदिन न खाए।

इसका फलित यह है कि वह वायु आदि के क्षोभ का निवारण करने के लिए रसों का सेवन कर सकता है। अकारण उनका सेवन नहीं कर सकता।

एक मुनि ने अपने प्रश्‍नकर्त्ता को यही बताया था—मैं अति आहार नही करता हूं, अतिस्‍निग्ध आहार से विषय उद्दीप्त होते हैं, इसलिए उनका भी सेवन नहीं करता हूं। संयम-जीवन की यात्रा चलाने के लिए खाता हूं, वह भी अतिमात्रा में नहीं खाता।'

दूध आदि का सर्वथा सेवन न करने से शरीर शुष्क हो जाता है, बल घटता है और ज्ञान, ध्यान या स्वाध्याय की यथेष्ट प्रवृत्ति नहीं हो सकती। उनका प्रतिदिन व अतिमात्रा में सेवन करने से विषय की वृद्धि होती है, इसलिए आचार्य को चाहिए कि वह अपने शिष्य को कभी स्‍निग्ध और कभी रूखा आहार दें।

११. (खुड्डए)

यह देशी धातु है। इसका अर्थ है—अन्त करना।

१२. (श्‍लोक २३)

चक्षु रूप का ग्रहण करता है। चक्षु का विषय है रूप। चक्षु और रूप—इन दोनों में ग्राह्य-ग्राहक भाव है। रूप है ग्राह्य और चक्षु है ग्राहक। इससे यह स्पष्ट होता है कि राग-द्वेष की उत्पत्ति में दोनों का सहकारी भाव है। जैसे रूप राग-द्वेष का कारण है वैसे ही चक्षु भी राग-द्वेष का कारण है।

प्रस्ततु श्‍लोक में मनोज्ञ के स्थान पर 'समनोज्ञ' का प्रयोग किया गया है—समणुण्णमाहु। वृत्तिकार ने इसकी अर्थ-संगति करने का प्रयास किया है।

ईर्ष्या, रोष, द्वेष—ये सारे द्वेष के पर्याय हैं। जिस अमनोज्ञ रूप के प्रति ईर्ष्या, रोष होता है वह सारा द्वेष ही है।

१३. आसक्ति (गिद्धि....)

वृत्तिकार ने गृद्धि का अर्थ राग किया है तथा 'वाचक' प्रवर का एक श्‍लोक उद्धृत कर राग के पर्यायवाची शब्दों का उल्लेख किया है।

राग के पर्यायवाची ये हैं—इच्छा, मूर्च्छा, काम, स्‍नेह, गार्ध्य, ममत्व, अभिनन्द, अभिलाष आदि।

१४. (मिगे)

'मृग' शब्द के अनेक अर्थ है—पशु, मृगशीर्ष नक्षत्र, हाथी की एक जाति, कुरंग आदि। यहां मृग का अर्थ 'पशु' है।

१५. औषधियों (ओसहिं)

वृत्तिकार ने औषधि को 'नागदमनी' आदि औषधियों का सूचक माना है।

१६. भाव मन का (मणस्स भावं)

कर्म के उदय अथवा क्षयोपशम से निष्पन्न चित्त की अवस्था का नाम है भाव। मनोवर्गणा के आलंबन से किया जाने वाला चित्त का व्यापार है—मन।

१७. इन्द्रिय रूपी चोरों का (इंदिय चोर.....)

इन्द्रियां ज्ञान के स्रोत हैं। ये ज्ञानावरण और दर्शनावरण के क्षायोपशमिक भाव हैं। उन्हें चोर सापेक्षदृष्टि से कहा गया है। जब वे राग-द्वेषात्मक प्रवृत्ति में लिप्त हो जाती है तब मनुष्य का धर्मरूपी सर्वस्व छिन जाता है। इस अपेक्षा से उन्हें चोर कहा गया है।

१८. विकारों को.....(वियारे.....)

'वियार' के संस्कृत रूप दो बन सकते हैं—विकार और विचार। इन्द्रियवशवर्ती मनुष्य नाना प्रकार के विकारों अथवा नाना प्रकार के विचारों को प्राप्त होता है।

१९. (श्‍लोक १०७)

महावीर की साधना का महत्त्वपूर्ण सूत्र हैं—समता, इन्द्रियों के मनोज्ञ और अमनोज्ञ विषयों के प्रति राग-द्वेष न करने का अभ्यास। समता की साधना के बिना ध्यान भी सफल नहीं होता। ध्यानकाल में वीतराग की स्थिति का-सा अनुभव होता है। ध्यान संपन्न करने पर इंद्रियों के विषय सामने आते हैं। तब राग-द्वेष के संकल्प और विकल्प उभरते हैं। समता की साधना जैसे-जैसे आगे बढ़ती है वैसे-वैसे संकल्प-विकल्प का नाश होता चला जाता है। इन्द्रियों के अर्थों—विषयों का संकल्प-विकल्प नहीं होता, उस अवस्था में कामगुण विषयक तृष्णा अपने आप क्षीण हो जाती है। संकल्प और विकल्प तृष्णा को पोषण देते हैं। जैसे ही उनका पोषण बन्द होता है, तृष्णा अपने-आप प्रतनु बन जाती है।

वृत्तिकार ने 'समयं' शब्द के दो संस्कृत रूप और दिए हैं—'समकं'—एक साथ और 'समयं'—सिद्धान्त। किन्तु ये यहां प्रासंगिक नहीं है।

♦

तेतीसवां अध्ययन : कर्म-प्रकृति

33

तेतीसवां अध्ययन : कर्मप्रकृति

आमुख

इस अध्ययन में कर्म की प्रकृतियों का निरूपण है, इसलिए इसका नाम 'कम्मपयडी'—'कर्मप्रकृति' है।

'कर्म' शब्द भारतीय दर्शन का बहुत परिचित शब्द है। जैन, बौद्ध और वैदिक—सभी दर्शनों ने इसे मान्यता दी है। यह क्रिया की प्रतिक्रिया है, अत: इसे अस्वीकार भी नहीं किया जा सकता। वैदिक आदि दर्शन कर्म को संस्कार रूप में स्वीकार करते हैं। जैन-दर्शन की व्याख्या उनसे विलक्षण है। उसके अनुसार कर्म पौद्गलिक है। जब-जब जीव शुभ या अशुभ प्रवृत्ति में प्रवृत्त होता है तब-तब वह अपनी प्रवृत्ति से पुद्गलों का आकर्षण करता है। वे आकृष्ट पुद्गल आत्मा के परिपार्श्‍व में अपने विशिष्ट रूप और शक्ति का निर्माण करते हैं। उन्हें कर्म कहा जाता है।

कर्म की मूल प्रवृत्तियां आठ हैं—

१. ज्ञानावरण—जो पुद्गल ज्ञान को आवृत्त करते हैं।

२. दर्शनावरण-जो पुद्गल दर्शन को आवृत्त करते हैं।

३. वेदनीय—जो पुद्गल सुख-दु:ख के हेतु बनते हैं।

४. मोहनीय—जो पुद्गल दृष्टिकोण और चारित्र में विकार उत्पन्न करते हैं।

५. आयुष्य—जो पुद्गल जीवन-काल को निष्पन्न करते हैं।

६. नाम—जो पुद्गल शरीर आदि विविध रूपों की प्राप्ति के हेतु बनते हैं।

७. गोत्र—जो पुद्गल उच्चता या नीचता की अनुभूति में हेतु होते हैं।

८. अन्तराय—जो पुद्गल शक्ति-विकास में बाधक होते हैं।

१. ज्ञानावरण पांच प्रकार का है—

(१) आभिनिबोधिक (मति) ज्ञानावरण,

(२) श्रुतज्ञानावरण

(३) अवधि ज्ञानावरण

(४) मन:पर्यव ज्ञानावरण

(५) केवल ज्ञानावरण।

२. दर्शनवारण नौ प्रकार का है—

(१) निद्रा,

(२) प्रचला,

(३) निद्रा-निद्रा,

(४) प्रचला-प्रचला,

(५) स्त्यानर्द्धि,

(६) चक्षुदर्शनावरण,

(७) अचक्षुदर्शनावरण,

(८) अवधिदर्शनावरण,

(९) केवलदर्शनावरण।

३. वेदनीय दो प्रकार है—

(१) सात वेदनीय और

(२) असात वेदनीय।

४. मोहनीय दो प्रकार का है—

(१) दर्शन मोहनीय। इसके तीन भेद हैं—सम्यक्त्व मोहनीय, मिथ्यात्व मोहनीय और सम्यक् मिथ्यात्व मोहनीय।

(२) चारित्र मोहनीय। यह दो प्रकार का है—कषाय मोहनीय और नो-कषाय मोहनीय।

कषाय मोहनीय १६ प्रकार का है—

अनन्तानुबन्धी चतुष्क—क्रोध, मान, माया, लोभ।

अप्रत्याख्यान चतुष्क—क्रोध, मान, माया, लोभ।

प्रत्याख्यान चतुष्क—क्रोध, मान, माया, लोभ।

संज्वलन चतुष्क—क्रोध, मान, माया, लोभ।

नो-कषाय मोहनीय नौ प्रकार का है—

हास्य, रति, अरति, भय, शोक ,जुगुप्सा, पुंवेद, स्त्री वेद, नपुंसक वेद।

५. आयुष्य चार प्रकार का है—नैरयिक आयु, तिर्यग् आयु, मनुष्य आयु और देव आयु।

६. नाम दो प्रकार का है—शुभ नाम और अशुभ नाम।

७. गोत्र दो प्रकार का है—उच्च गोत्र और नीच गोत्र।

उच्च गोत्र-कर्म के आठ भेद हैं—

(१) प्रशस्त जाति,

(२) प्रशस्त कुल,

(३) प्रशस्त बल,

(४) प्रशस्त रूप,

(५) प्रशस्त तपस्या,

(६) प्रशस्त श्रुत (ज्ञान),

(७) प्रशस्त लाभ,

(८) प्रशस्त ऐश्‍ववर्य।

नीच गोत्र-कर्म के आठ भेद हैं—

(१) अप्रशस्त जाति,

(२) अप्रशस्त कुल,

(३) अप्रशस्त बल,

(४) अप्रशस्त रूप,

(५) अप्रशस्त तपस्या,

(६) अप्रशस्त श्रुत (ज्ञान),

(७) अप्रशस्त लाभ,

(८) अप्रशस्त ऐश्‍वर्य।

८. अन्तराय-कर्म पांच प्रकार का है—दानान्तराय, लाभान्तराय, भोगान्तराय, उपभोगान्तराय और वीर्यान्तराय।

१. कर्मों की प्रकृति

कर्म की मूल प्रकृतियां उपर्युक्त आठ ही है। शेष सब उनकी उत्तर प्रकृतियां हैं। इनका विस्तृत वर्णन प्रज्ञापना (पद २३) में है।

२. कर्मों की स्थिति

प्रत्येक कर्म की स्थिति होती है। स्थिति-काल के पूर्ण होने पर वह कर्म नष्ट हो जाता है। कई निमित्तों में स्थिति न्यून या अधिक भी होती है।

(१) ज्ञानावरण, दर्शनावरण, वेदनीय और अन्तराय कर्म की उत्कृष्ट स्थिति तीस क्रोडाक्रोड सागर और जघन्य स्थिति अन्तर्मुहर्त की है।

(२) मोहनीय कर्म की उत्कृष्ट स्थिति ७० क्रोडाक्रोड सागर तथा जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त की है।

(३) आयु कर्म की उत्कृष्ट स्थिति ३३ सागर तथा जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त की है।

(४) नाम और गोत्र कर्म की उत्कृष्ट स्थिति २० क्रोडाक्रोड सागर तथा जघन्य स्थिति आठ मुहूर्त की है।

३. कर्मों का अनुभाव

कर्म के विपाक को अनुभाग, अनुभाव, फल या रस कहा जाता है। विपाक दो प्रकार का है—तीव्र और मन्द। तीव्र परिणामों से बन्धे हुए कर्म का विपाक तीव्र तथा मन्द परिणामों से बन्धे हुए कर्म का विपाक मन्द होता है। विशेष प्रकार के द्वारा तीव्र मन्द और मन्द तीव्र हो जाता है।

४. कर्मों का प्रदेशाग्र

कर्म प्रायोग्य पुद्गल जीव की शुभ-अशुभ प्रवृत्ति के द्वारा आकृष्ट होकर आत्मा के प्रदेशों के साथ चिपक जाते हैं। कर्म अनन्त-प्रदेशी पुद्गल-स्कन्ध होते हैं और आत्मा के असंख्य प्रदेशों के साथ एकीभाव हो जाते हैं।

तेतीसइमं अज्झयणं : कम्मपयडी

तेतीसवां अध्ययन : कर्मप्रकृति

मूल

१. अट्ठ कम्माइं वोच्छामि, आणुपुव्विं जहक्कमं।

जेहिं बद्धो अयं जीवो, संसारे परिवत्तए।।

हिन्‍दी अनुवाद

मैं अनुपूर्वी से क्रमानुसार (पूर्वानुपूर्वी से) आठ कर्मों का निरूपण करूंगा, जिनसे बन्धा हुआ यह जीव संसार में परिवर्तन करता है।

२. नाणस्सावरणिज्जं, दंसणावरणं तहा।

वेयणिज्जं तहा मोहं, आउक्कम्मं तहेव य।।

ज्ञानावरण, दर्शनावरण, वेदनीय, मोह, आयु, नाम, गोत्र और अन्तराय—इस प्रकार संक्षेप में ये आठ कर्म हैं।

३. नामकम्मं च गोयं च, अंतरायं तहेव य।

एवमेयाइ कम्माइं, अट्ठेव उ समासओ।।

४. नाणावरणं पंचविहं, सुयं आभिणिबोहियं।

ओहिनाणं तइयं, मणनाणं च केवलं।।

ज्ञानावरण पांच प्रकार का है—(१) श्रुत-ज्ञानावरण, (२) आभिनिबोधिक-ज्ञानावरण, (३) अवधि-ज्ञानावरण, (४) मनोज्ञानावरण और (५) केवल-ज्ञानावरण।

५. निद्दा तहेव पयला, निद्दानिद्दा य पयलपयला य।

तत्तो य थीणगिद्धी उ, पंचमा होइ नायव्वा।।

(१) निद्रा, (२) प्रचला, (३) निद्रा-निद्रा, (४) प्रचला- प्रचला, (५) स्त्यानर्द्धि,

६. चक्खुमचक्खुओहिस्स, दंसणे केवले य आवरणे।

एवं तु नवविगप्पं, नायव्वं दंसणावरणं।।

(६) चक्षु-दर्शनावरण, (७) अचक्षु-दर्शनावरण, (८) अवधि-दर्शनावरण और (९) केवल-दर्शनावरण—इस प्रकार दर्शनावरण नौ प्रकार का है।

७. वेयणीयं पि य दुविहं, सायमसायं च आहियं।

सायस्स उ बहू भेया, एमेव असायस्स वि।।

वेदनीय दो प्रकार का है—(१) सात-वेदनीय और (२) असात-वेदनीय। इन दोनों वेदनीयों के अनेक प्रकार हैं।

८. मोहणिज्जं पि दुविहं, दंसणे चरणे तहा।

दंसणे तिविहं वुत्तं, चरणे दुविहं भवे।।

मोहनीय भी दो प्रकार का है—(१) दर्शन-मोहनीय और (२) चारित्र-मोहनीय। दर्शन-मोहनीय तीन प्रकार का और चारित्र-मोहनीय दो प्रकार का होता है।

९. सम्मत्तं चेव मिच्छत्तं, सम्मामिच्छत्तमेव य।

एयाओ तिन्नि पयडीओ, मोहणिज्जस्स दंसणे।।

(१) सम्यक्त्व, (२) मिथ्यात्व और (३) सम्यग्-मिथ्यात्व दर्शन-मोहनीय की ये तीन प्रकृतियां हैं।

१०. चरित्तमोहणं कम्मं, दुविहं तु वियाहियं।

कसायमोहणिज्जं तु, नोकसायं तहेव य।।

चारित्र-मोहनीय के दो प्रकार हैं—(१) कषाय-मोहनीय और (२) नोकषाय-मोहनीय।

११. सोलसविहभेएणं, कम्मं तु कसायजं।

सत्तविहं नवविहं वा, कम्मं नोकसायजं।।

कषाय-मोहनीय कर्म के सोलह भेद होते हैं और नोकषाय-मोहनीय कर्म के सात या नौ भेद होते हैं।

१२. नेरइयतिरिक्खाउ, मणुस्साउ तहेव य।

देवाउयं चउत्थं तु, आउकम्मं चउव्विहं।।

आयु-कर्म चार प्रकार का है—(१) नैरयिक-आयु, (२) तिर्यग्-आयु, (३) मनुष्य-आयु और (४) देव-आयु।

१३. नामं कम्मं तु दुविहं, सुहमसुहं य आहियं।

सुहस्स उ बहू भेया, एमेव असुहस्स वि।।

नाम-कर्म दो प्रकार का है—(१) शुभ-नाम और (२) अशुभ-नाम। इन दोनों के अनेक प्रकार हैं।

१४. गोयं कम्मं दुविहं, उच्चं नीयं च आहियं।

उच्चं अट्ठविहं होइ, एवं नीयं पि आहियं।।

गोत्र-कर्म दो प्रकार का है—(१) उच्च गोत्र और (२) नीच गोत्र। इन दोनों के आठ-आठ प्रकार हैं।

१५. दाणे लाभे य भोगे य, उवभोगे वीरिए तहा।

पंचविहमंतरायं, समासेण वियाहियं।।

अन्तराय-कर्म संक्षेप में पांच प्रकार का है—(१) दानान्तराय, (२) लाभान्तराय, (३) भोगान्तराय, (४) उपभोगान्तराय और (५) वीर्यान्तराय।

१६. एयाओ मूलपयडीओ, उत्तराओ य आहिया।

पएसग्गं खेत्तकाले य, भावं चादुत्तरं सुण।।

कर्मों की ये ज्ञानावरण आदि आठ मूल प्रकृतियां और श्रुत-ज्ञानावरण आदि सत्तावन उत्तर प्रकृतियां कही गई हैं। इसके आगे तू उनके प्रदेशाग्र (परमाणुओं के परिमाण) क्षेत्र, काल और भाव (अनुभाग-पर्याय) को सुनो।

१७. सव्वेसिं चेव कम्माणं, पएसग्गमणंतगं।

गंठियसत्ताईयं, अंतो सिद्धाण आहियं।।

एक समय में ग्राह्य सब कर्मों का प्रदेशाग्र अनन्त है। वह अभव्य जीवों से अनन्त गुना अधिक और सिद्ध आत्माओं के अनन्तवें भाग जितना होता है।

१८. सव्वजीवाणं कम्मं तु, संगहे छद्दिसागयं।

सव्वेसु वि पएसेसु, सव्वं सव्वेण बद्धगं।।

सब जीवों के संग्रह-योग्य पुद्गल छहों दिशाओं— आत्मा से संलग्‍न सभी आकाश प्रदेशों में स्थित है। वे सब कर्म-परमाणु बन्ध-काल में एक आत्मा के सभी प्रदेशों के साथ सम्बद्ध होते हैं।

१९. उदहीसरिनामाणं, तीसई कोडिकोडिओ।

उक्कोसिया ठिई होइ, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, वेदनीय और अन्तराय-कर्म की उत्कृष्ट स्थिति तीस कोटि-कोटि सागर और जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त की होती है।

२०. आवरणिज्जाण दुण्हं पि, वेयणिज्जे तहेव य।

अंतराए य कम्मम्मि, ठिई एसा वियाहिया।।

२१. उदहीसरिनामाणं, सत्तरिं कोडिकोडिओ।

मोहणिज्जस्स उक्कोसा, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

मोहनीय-कर्म की उत्कृष्ट स्थिति सत्तर कोटि-कोटि सागर और जघन्य स्थिति अन्तर्मुहर्त की होती है।

२२. तेत्तीस सागरोवमा, उक्कोसेण वियाहिया।

ठिई उ आउकम्मस्स, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

आयु-कर्म की उत्कृष्ट स्थिति तेतीस सागर और जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त की होती है।

२३. उदहीसरिनामाणं, वीसई कोडिकोडिओ।

नामगोत्ताणं उक्कोसा, अट्ठ मुहुत्ता जहन्निया।।

नाम और गोत्र कर्म की उत्कृष्ट स्थिति बीस कोटि-कोटि सागर और जघन्य स्थिति आठ मुहूर्त्त की होती है।

२४. सिद्धाणणंतभागो य, अणुभागा हवंति उ।

सव्वेसु वि पएसग्गं, सव्वजीवेसुइच्छियं।।

कर्मों के अनुभाग सिद्ध आत्माओं के अनन्तवें भाग जितने होते हैं। सब अनुभागों का प्रदेश-परिमाण—रसविभाग का परिमाण सब जीवों से अधिक होता है।

२५. तम्हा एएसि कम्माणं, अणुभागे वियाणिया।

एएसिं संवरे चेव, खवणे य जए बुहे।।

इन कर्मों के अनुभागों को जानकर बुद्धिमान् इनका निरोध और क्षय करने का यत्‍न करे।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३३ : कर्मप्रकृति

१. (श्‍लोक ७)

सातवेदनीय और असातवेदनीय के अनेक प्रकार हैं। प्रज्ञापना के अनुसार प्रत्येक के आठ-आठ प्रकार हैं। जिनके आधार पर सात और असात का वेदन होता है, उनके आधार पर ये भेद किए हैं। सातवेदनीय के आठ प्रकार—मनोज्ञ शब्द, मनोज्ञ रूप, मनोज्ञ गंध, मनोज्ञ रस और मनोज्ञ स्पर्श तथा कायसुखता, वाणीसुखता और मन:सुखता। इनसे विपरीत असातवेदनीय के भेद हैं।

२. (श्‍लोक ११)

चारित्र-मोहनीय कर्म के दो रूप हैं—(१) कषाय-मोहनीय और (२) नो-कषाय-मोहनीय। कषाय-मोहनीय कर्म के १६ प्रकार हैं।

जो साधन मूलभूत कषायों को उत्तेजित करते हैं, वे 'नो-कषाय' कहलाते हैं। उनकी गणना दो प्रकार से हुई है। एक गणना के अनुसार वे नौ हैं—(१) हास्य, (२) रति, (३) अरति, (४) भय, (५) शोक, (६) जुगुप्सा, (७) पुरुष-वेद, (८) स्त्री-वेद, (९) नपुंसक-वेद।२ दूसरी गणना के अनुसार वे सात हैं—(१) हास्य, (२) रति, (३) अरति, (४) भय, (५) शोक, (६) जुगुप्सा और (७) वेद।

३. (श्‍लोक १३)

शुभ नामकर्म और अशुभ नामकर्म के अनेक प्रकार हैं। प्रज्ञापना में नामकर्म के बयालीस प्रकार निर्दिष्ट हैं और प्रत्येक भेद के अनेक अवान्तर भेद प्रतिपादित हैं। इसमें शुभ-अशुभ का भेद निर्दिष्ट नहीं है। उत्तराध्ययन के वृत्तिकार ने शुभ नामकर्म के ३७ भेद तथा अशुभ नामकर्म के ३३ भेद उल्लिखित किए हैं।

४. (श्‍लोक १४)

गोत्र का अर्थ है 'कुलक्रमागत आचरण।' उच्च आचरण को 'उच्च गोत्रकर्म' और नीच आचरण को 'नीच गोत्रकर्म' कहा जाता है। वे आठ प्रकार के हैं। ये प्रकार उनके बंधनों के आधार पर माने गए हैं।

उच्च गोत्रकर्म बंध के आठ कारण हैं—

(१) जाति का अमद,

(२) कुल का अमद,

(३) बल का अमद,

(४) तपस्या का अमद,

(५) ऐश्‍वर्य का अमद,

(६) श्रुत का अमद,

(७) लाभ का अमद और

(८) रूप का अमद।

नीच गोत्रकर्म बंध के आठ कारण हैं—

(१) जाति का मद,

(२) कुल का मद,

(३) बल का मद,

(४) तपस्या का मद,

(५) ऐश्‍वर्य का मद,

(६) श्रुत का मद,

(७) लाभ का मद और

(८) रूप का मद।

५. (श्‍लोक १५)

प्रस्तुत श्‍लोक में अन्तराय कर्म के पांच प्रकार निर्दिष्ट हैं। बृहद्वृत्ति में उनकी व्याख्या इस प्रकार है—

१. दानान्तराय—दान देने वाला भी विशिष्ट है, देय वस्तु भी विशिष्ट है और दाता दान के फल से अभिज्ञ है, किन्तु वह दान दे नहीं पाता।

२. लाभान्तराय—दाता भी विशिष्ट है और याचक भी निपुण है किन्तु याचक की उपलब्धि में वह उपघात पैदा करता है।

३. भोगान्तराय—सम्पदा होने पर भी व्यक्ति के भोग में बाधा आती है। जो पदार्थ एक बार काम में आते हैं वे भाग कहलाते हैं, जैसे—पुष्प, आहार आदि।

४. उपभोगान्तराय—वस्त्र, अलंकरण की प्राप्ति होने पर भी व्यक्ति उनका उपभोग नहीं कर पाता। जो बार-बार काम में आते हैं, वे उपभोग कहलाते हैं। जैसे—भवन, स्त्री आदि।

५. वीर्यान्तराय—व्यक्ति बलवान् है, स्वस्थ है, तरुण है फिर भी वह एक तिनके को भी तोड़ नहीं सकता।

तत्त्वार्थ भाष्यानुसारिणी टीका में इनकी व्याख्या इस प्रकार है—

१. दानान्तराय—जब समस्त दानान्तराय कर्म का क्षय हो जाता है तब दाता याचक को यथेप्सित वस्तु देने में समर्थ हो सकता है।

२. लाभान्तराय—जब इस कर्म का सर्वथा क्षय होता है तब व्यक्ति धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—इस चतुर्वर्ग की समस्त सामग्री प्राप्त कर सकता है और उसे अचिन्त्य माहात्म्य की शक्ति भी प्राप्त हो जाती है, जिससे वह जो चाहे वह लाभ प्राप्त कर सकता है।

३. भोगान्तराय—इसके क्षीण होने पर वस्तु का भोग निर्बाध हो जाता है।

४. उपभोगान्तराय—इसके क्षीण होने पर उपभोग की सामग्री की उपलब्धि में कोई बाधा नहीं रहती।

५. वीर्यान्तराय—इसके क्षय से अप्रतिहत शक्ति प्रगट होती है।

६. (श्‍लोक १७)

इस श्‍लोक में एक समय में बंधने वाले कर्म-स्कंधों का प्रदेशाग्र (परमाणु-परिमाण) बतलाया गया है। आत्मा के प्रत्येक प्रदेश पर अनन्त-अनन्त कर्म-वर्गणाएं चिपकी रहती हैं किन्तु जो कर्म-वर्गणाएं एक क्षण में आत्म-प्रदेशों से आश्‍लिष्ट होती हैं, उनका परिमाण यहां विवक्षित है।

ग्रंथिक-सत्त्व का अर्थ है 'अभव्य जीव'। इनकी राग- द्वेषात्मक ग्रंथि अभेद्य होती है, इसलिए इन्हें 'ग्रन्थिक' कहा जाता है। अभवसिद्धिक अभव्य जीव जघन्य-युक्तानन्त (अनन्त का चौथा प्रकार) होते हैं और सिद्ध अनन्तानन्त होते हैं। एक समय में बंधने वाले कर्म-परमाणु ग्रन्थिक अभव्य जीवों से अनन्त गुण अधिक और सिद्धों के अनन्तवें भाग जितने होते हैं। गोम्मटसार (कर्मकाण्ड) में इसकी संवादी गाथा जो है, वह इस प्रकार है—

सिद्धणंतियभागं, अभव्वसिद्धादणंतगुणमेव।

समयपबद्धं बंधदि, जोगवआदो दु विसरित्थं।।४।।

७. (श्‍लोक १८)

आत्मा का अवगाहन पूर्व, पश्‍चिम, उत्तर, दक्षिण, ऊर्घ्व तथा अधस्—इन छहों दिशाओं में होता है। इन दिशाओं में जो आत्मा से अन्तरावगाढ़ कर्म-प्रायोग्य पुद्गल है, उनका आत्मा ग्रहण करती है। यहां जो छह दिशाओं का विधान किया गया है वह द्वीन्द्रिय आदि जीवों की अपेक्षा से है। एकेन्द्रिय जीव जीव चार, पांच या छह दिशाओं से भी कर्म-पुद्गल ग्रहण करते हैं। द्वीन्द्रिय आदि जीव नियमत: छह दिशाओं से ही कर्म-पुद्गल ग्रहण करते है। इन छह दिशाओं में स्थित कर्म-प्रायोग्य पुद्गल आत्मा के सभी प्रदेशों से सम्बद्ध होते हैं। ऐसा नहीं होता कि आत्मा के कुछेक प्रदेश ही कर्मों से सम्बद्ध होते हों।

कर्मबन्ध का एक नियम है—आत्मा सब कर्म प्रकृतियों के प्रायोग्य पुद्गलों का ग्रहण सामान्य रूप से करती है और अध्यवसाय की भिन्नता के आधार पर उन्हें ज्ञानावरण आदि विभिन्न रूपों में परिणत करती है।

कर्मबन्ध का दूसरा नियम है—कर्म-पुद्गल आत्मा के सभी प्रदेशों के साथ सम्बद्ध होते हैं, कुछेक प्रदेशों से नहीं।

८. (श्‍लोक १९-२०)

सूत्रकार ने वेदनीय कर्म की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहर्त्त की बतलाई है। तत्त्वार्थ ८।१९ में उसकी जघन्य स्थिति बारह मुहूर्त्त की निरूपित है। शान्त्याचार्य ने लिखा है कि इस मतान्तर का आधार ज्ञात नहीं है। यह अन्वेषणीय है।

९. (श्‍लोक २४)

सबसे पहले अल्परस वाले कर्म-परमाणुओं की प्रथम वर्गणा होती है। उसमें कर्म-परमाणु सबसे अधिक होते हैं। उसकी अपेक्षा द्वितीय वर्गणा के परमाणु विशेष हीन हो जाते हैं और तृतीय वर्गणा में उससे भी हीन हो जाते हैं।

सर्वोत्कृष्ट वर्गणा सिद्धों के अनन्तवें भाग प्रमाण होती है। इन वर्गणाओं में रस-विभाग की क्रमश: वृद्धि होती है और कर्म-वर्गणाओं की क्रमश: हानि होती है।

कर्म-ग्रहण के समय जीव कर्म-परमाणुओं के अनुभाग विपाकशक्ति अथवा रसविभाग-उत्पन्न करता है। कर्म-परमाणुओं में होने वाले अनुभाग का अविभाज्य अंश रसविभाग कहलाता है। एक-एक कर्म-परमाणु में सब जीवों से अनन्तगुण अधिक रस-विभाग होते हैं।

♦

चौतीसवां अध्ययन : लेश्या-अध्ययन

34

चौतीसवां अध्ययन : लेश्या-अध्ययन

आमुख

इस अध्ययन का नाम 'लेसज्झयणं'—'लेश्या-अध्ययन' है। इसका अधिकृत विषय कर्म-लेश्या है। इसमें कर्म-लेश्या के नाम, वर्ण, रस, गंध, स्पर्श, परिणाम, लक्षण, स्थान, स्थिति, गति और आयुष्य का निरूपण किया गया है। इसका विशद वर्णन प्रज्ञापना है (पद १७) में मिलता है।

लेश्या एक प्रकार का पौद्गलिक पर्यावरण है। इसकी खोज जीव और पुद्गल के स्कंधों का अध्ययन करते समय हुई है। जीव से पुद्गल और पुद्गल से जीव प्रभावित होते हैं। जीव को प्रभावित करने वाले पुद्गलों के अनेक वर्ग हैं। उनमें एक वर्ग का नाम लेश्या है। लेश्या शब्द का अर्थ आणविक-आभा, कांति, प्रभा या छाया है। छाया पुद्गलों से प्रभावित होने वाले जीव-परिणामों को भी लेश्या कहा जाता है। प्राचीन साहित्य में शरीर के वर्ण, आणविक-आभा और उससे प्रभावित होने वाले विचार—इन तीनों अर्थों की मार्गणा की गई है।

शरीर के वर्ण और आणविक-आभा को द्रव्य-लेश्या (पौद्गलिक-लेश्या) और विचार को भाव-लेश्या (मानसिक-लेश्या) कहा गया है।

प्रस्तुत अध्ययन में कृष्ण, नील और कापोत—इस प्रथम त्रिक को 'अधर्म-लेश्या' और तेजस्, पद्म और शुक्ल—इस द्वितीय त्रिक को 'धर्म-लेश्या' कहा गया है। (श्‍लो. ५६, ५७)

अध्ययन के आरम्भ में छहों लेश्याओं को 'कर्म-लेश्या' कहा गया है। (श्‍लो. १)

आणविक-आभा कर्म-लेश्या का ही नामान्तर है। आठ कर्मों में छठा कर्म नाम कर्म है। उसका सम्बन्ध शरीर-रचना सम्बन्धी पद्गलों से है। उसकी एक प्रकृति शरीर-नामकर्म है। शरीर-नामकर्म के पुद्गलों का ही एक वर्ग 'कर्म-लेश्या' कहलाता है।

लेश्या की अनेक परिभाषाएं मिलती हैं। जैसे—

१. योग-परिणाम।

२. कषायोदयरंजित योग-प्रवृत्ति।

३. कर्म-निस्यन्द।

४. कार्मण शरीर की भांति कर्म-वर्गणा निष्पन्न कर्म-द्रव्य।

इन शास्त्रीय परिभाषाओं के अनुसार लेश्या से जीव और कर्म-पुद्गलों का सम्बन्ध होता है, कर्म की स्थिति निष्पन्न होती है और कर्म का उदय होता है। इन सारे अभिमतों से इतनी निष्पत्ति तो निश्‍चित है कि आत्मा की शुद्धि और अशुद्धि के साथ लेश्या जुड़ी हुई है।

प्रभाववाद की दृष्टि से दोनों परम्पराएं प्राप्त होती हैं—

१. पौद्गलिक लेश्या का मानसिक विचारों पर प्रभाव।

२. मानसिक विचारों का लेश्या पर प्रभाव।

कृष्णादिद्रव्यासाचिव्यात्, परिणामो य आत्मन:।

स्फटिकस्येव तत्रायं, लेश्याशब्द: प्रवर्तते।।

इस प्रसिद्ध श्‍लोक की ध्वनि यही है—कृष्ण आदि लेश्या-पुद्गल जैसे होते हैं, वैसे ही मानसिक-परिणति होती है। दूसरी धारा यह है—कषाय की मंदता से अध्यवसाय की शुद्धि होती है और अध्यवसाय की शुद्धि से लेश्या की शुद्धि होती है। प्रस्तुत अध्ययन से भी यही ध्वनित होता है।

पांच आश्रवों में प्रवृत्त मनुष्य कृष्ण-लेश्या में परिणत होता है अर्थात् उसकी आणविक-आभा (पर्यावरण) कृष्ण होती है। लेश्या के लक्षण गोम्मटसार (जीवकांड ५०८-५१६) तथा तत्त्वार्थ-वार्तिक (४।२२) में मिलते हैं।

मनुस्मृति (१२।२६-३८) में सत्त्व, रजस् और तमस् के जो लक्षण और कार्य बतलाए गए हैं, वे लेश्या के लक्षणों से तुलनीय है।

चउतीसइमं अज्झयणं : लेसज्झयणं

चौतीसवां अध्ययन : लेश्या-अध्ययन

मूल

१. लेसज्झयणं पवक्खामि, आणुपुव्विं जहक्कमं।

छण्हं पि कम्मलेसाणं, अणुभावे सुणेह मे।।

हिन्‍दी अनुवाद

मैं अनुपूर्वी से क्रमानुसार (पूर्वानुपूर्वी से) लेश्या- अध्ययन का निरूपण करूंगा। छहों कर्म-लेश्याओं के अनुभावों को तुम मुझ से सुनो।१

२. नामाइं वण्णरसगंधफास-परिणामलक्खणं।

ठाणं ठिइं गइं चाउं, लेसाणं तु सुणेह मे।।

लेश्याओं के नाम, वर्ण, रस, गंध, स्पर्श, परिणाम, लक्षण, स्थान, स्थिति, गति और आयुष्य को तुम मुझ से सुनो।

३. किण्हा नीला य काऊ य, तेऊ पम्हा तहेव य।

सुक्कलेस्सा य छट्ठा उ, नामाइं तु जहक्कमं।।

यथाक्रम से लेश्याओं के ये नाम हैं—(१) कृष्ण, (२) नील, (३) कापोत, (४) तेजस्, (५) पद्म२ और (६) शुक्ल।

४. जीमूयनिद्धसंकासा, गवलरिट्ठगसन्निभा।

खंजणंजणनयणनिभा, किण्हलेसा उ वण्णओ।।

कृष्ण लेश्या का वर्ण स्‍निग्ध-मेघ, महिष३ द्रोण-काक४, खञ्जन, अंजन व नयन-तारा के समान होता है।

५. नीलासोगसंकासा, चासपिच्छसमप्पभा।

वेरुलियनिद्धसंकासा, नीललेसा उ वण्णओ।।

नील लेश्या का वर्णन नीलअशोक, चाष पक्षी के परों व स्‍निग्ध वैडूर्य मणि के समान होता है।

६. अयसीपुप्फसंकासा, कोइलच्छदसन्निभा।

पारेवयगीवनिभा, काउलेसा उ वण्णओ।।

कापोत लेश्या का वर्ण अलसी के पुष्प, तैल-कण्टक५ व कबूतर की ग्रीवा के समान होता है।

७. हिंगुलुयधाउसंकासा, तरुणाइच्चसन्निभा।

सुयतुंडपईवनिभा, तेउलेसा उ वण्णओ।।

तेजो लेश्या का वर्ण हिंगुल, धातु—गेरु, नवोदित सूर्य, तोते की चोंच, प्रदीप की लौ के समान होता है।

८. हरियालभेयसंकासा, हलिद्दाभेयसंनिभा।

सणासणकुसुमनिभा, पम्हलेसा उ वण्णओ।।

पद्म लेश्या का वर्ण भिन्न-हरिताल, भिन्न-हल्दी, सण और असन के पुष्प के समान होता है।

९. संखंककुंदसंकासा, खीरपूरसमप्पभा।

रययहारसंकासा, सुक्कलेसा उ वण्णओ।।

शुक्ल लेश्या का वर्ण शंख, अंकमणि, कुंद-पुष्प, दुग्ध-प्रवाह, चांदी व मुक्ताहार के समान होता है।

१०. जह कडुयतुंबगरसो, निंबरसो कडुयरोहिणिरसो वा।

एत्तो वि अणंतगुणो, रसो उ किण्हाए नायव्वो।।

कडुवे तुम्बे, नीम व कटुक रोहिणी का रस जैसा कडुवा होता है, उससे भी अनन्त गुना कडुवा रस कृष्ण लेश्या का होता है।

११. जह तिगडुयस्स य रसो, तिक्खो जह हत्थिपिप्पलीए वा।

एत्तो वि अणंतगुणो, रसो उ नीलाए नायव्वो।।

त्रिकटु६ —सूंठ, पिप्पल और कालीमिर्च तथा गजपीपल का रस जैसा तीखा होता है, उससे भी अनन्त गुना तीखा रस नील लेश्या का होता है।

१२. जह तरुणअंबगरसो, तुवरकविट्ठस्स वावि जारिसओ।

एत्तो वि अणंतगुणो, रसो उ काऊए नायव्वो।।

कच्चे आम और कच्चे७ कपित्थ का रस जैसा कसैला होता है, उससे भी अनन्त गुना कसैला रस कापोत लेश्या का होता है।

१३. जहपरिणयंबगरसो, पक्ककविट्ठस्स वावि जारिसओ।

एत्तो वि अणंतगुणो, रसो उ तेऊए नायव्वो।।

पके हुए आम और पके हुए कपित्थ रस जैसा खट-मीठा होता है, उससे भी अनन्त गुना खट-मीठा रस तेजो लेश्या का होता है।

१४. वरवारुणीए व रसो, विविहाण व आसावाण जारिसओ।

महुमेरगस्स व रसो, एत्तो पम्हाए परएणं।।

प्रधान सुरा, विविध आसवों, मधु और मैरेयक मदिरा का रस जैसा अम्ल—कसैला होता है, उससे भी अनन्त गुना८ मीठा, मधुर और अम्ल—कसैला रस पद्म लेश्या का होता है।

१५. खज्जूरमुद्दियरसो, खीररसो खंडसक्कररसो वा।

एत्तो वि अणंतगुणो, रसो उ सुक्काए नायव्वो।।

खजूर, दाख, क्षीर, खांड और शक्कर का रस जैसा मीठा होता है, उससे भी अनन्त गुना मीठा रस शुक्ल लेश्या का होता है।

१६. जह गोमडस्स गंधो, सुणगमडगस्स व जहा अहिमडस्स।

एत्तो वि अणंतगुणो, लेसाणं अप्पसत्थाणं।।

गाय, श्‍वान और सर्प के मृत कलेवर की जैसी गन्ध होती है, उससे भी अनन्त गुना गन्ध तीनों अप्रशस्त लेश्याओं की होती है।

१७. जह सुरहिकुसुमगंधो, गंधवासाण पिस्समाणाणं।

एत्तो वि अणंतगुणो, पसत्थलेसाण तिण्हं पि।।

सुगन्धित पुष्पों और पीसे जा रहे सुगन्धित पदार्थों की जैसी गंध होती है, उससे भी अनन्त गुना गंध तीनों प्रशस्त लेश्याओं की होती है।

१८. जह करगयस्स फासो, गोजिब्भाए व सागपत्ताणं।

एत्तो वि अणंतगुणो, लेसाणं अप्पसत्थाणं।।

करवत, गाय की जीभ और शाक वृक्ष के पत्रों का स्पर्श जैसा कर्कश होता है, उससे भी अनन्त गुना कर्कश स्पर्श तीनों अप्रशस्त लेश्याओं का होता है।

१९. जह बूरस्स व फासो, नवणीयस्स व सिरीसकुसुमाणं।

एत्तो वि अणंतगुणो, पसत्थलेसाण तिण्हं पि।।

बूर, नवनीत और सिरीष के पुष्पों का स्पर्श जैसा मृदु होता है, उससे भी अनन्त गुना मृदु स्पर्श तीनों प्रशस्त लेश्याओं का होता है।

२०. तिविहो व नवविहो वा, सत्तावीसइविहेक्कसीओ वा।

दुसओ तेयालो वा, लेसाणं होइ परिणामो।।

लेश्याओं के तीन, नौ, सत्ताईस, इक्यासी या दो सौ तेंतालीस प्रकार के परिणाम होते हैं।९

२१. पंचासवप्पवत्तो, तीहिं अगुत्तो छसुं अविरओ य।

तिव्वारंभपरिणओ, खुद्दो साहसिओ नरो।।

जो मनुष्य पांचों आश्रवों में प्रवृत्त है, तीन गुप्तियों से अगुप्त है, षट्काय में अविरत है, तीव्र आरम्भ (सावद्य-व्यापार) में संलग्‍न है, क्षुद्र है, बिना विचारे कार्य करने वाला है,

२२. निद्धंधसपरिणामो, निस्संसो अजिइंदिओ।

एयजोगसमाउत्तो, किण्हलेसं तु परिणमे।।

लौकिक और पारलौकिक दोषों की शंका से रहित१० मन वाला है, नृशंस है११, अजितेन्द्रिय है—जो इन सभी से युक्त है, वह कृष्ण लेश्या में परिणत होता है।

२३. इस्साअमरिसअतवो, अविज्जमाया अहीरिया य।

गेद्धी पओसे य सढे पमत्ते, रसलोलुए साय गवेसए य।।

जो मनुष्य ईर्ष्यालु है, कदाग्रही है, अतपस्वी है, अज्ञानी है, मायावी है, निर्लज्ज है, गृद्ध है, प्रद्वेष करने वाला है, शठ है, प्रमत्त है, रस-लोलुप है, सुख का गवेषक है,

२४. आरंभाओ अविरओ, खुद्दो साहस्सिओ नरो।

एयजोगसमाउत्तो, नीललेसं तु परिणमे।।

आरम्भ से अविरत है, क्षुद्र है, बिना विचारे कार्य करने वाला है—जो इन सभी से युक्त है, वह नील लेश्या में परिणत होता है।

२५. वंके वंकसमायारे, नियडिल्ले अणुज्जुए।

पलिउंचग ओवहिए, मिच्छदिट्ठी अणारिए।।

जो मनुष्य वचन से वक्र है, जिनका आचरण वक्र है, माया करता है, सरलता से रहित है, अपने दोषों को छुपाता है, छद्म का आचरण करता है, मिथ्या-दृष्टि है, अनार्य है,

२६. उप्फालगदुट्ठवाई य, तेणे यावि य मच्छरी।

एयजोगसमाउत्तो, काउलेसं सु परिणमे।।

हंसोड़ है, दुष्ट वचन बोलने वाला है, चोर है, मत्सरी है—जो इन सभी प्रवृत्तियों से युक्त है, वह कापोत लेश्या से परिणत होता है।

२७. नीयावित्ती अचवले, अमाई अकुऊहले।

विणीयविणए दंते, जोगवं उवहाणवं।।

जो मनुष्य नम्रता से बर्ताव करता है, अचपल है, माया से रहित है, अकुतूहली है, विनय करने में निपुण है, दान्त है, समाधि-युक्त है, उपधान (श्रुत अध्ययन करते समय तप) करने वाला है,

२८. पियधम्मे दढधम्मे, वज्जभीरू हिएसए।

एयजोगसमाउत्तो, तेउलेसं तु परिणमे।।

धर्म में प्रेम रखता है, धर्म में दृढ़ है१२, पाप-भीरू है१३, हित चाहने वाला है—जो इन सभी प्रवृत्तियों से युक्त है, वह तेजो लेश्या से परिणत होता है।

२९. पयणुक्कोहमाणे य, मायालोभे य पयणुए।

पसंतचित्ते दंतप्पा, जोगवं उवहाणवं।।

जिस मनुष्य के क्रोध, मान, माया और लोभ अत्यन्त अल्प है, जो प्रशान्त-चित्त है, अपनी आत्मा का दमन करता है, समाधि-युक्त है, उपधान करने वाला है,

३०. तहा पयणुवाई य, उवसंते जिइंदिए।

एयजोगसमाउत्तो, पम्हलेसं तु परिणमे।।

अत्यल्प भाषी है१४, उपशान्त है, जितेन्द्रिय है—जो इन सभी प्रवृत्तियों से युक्त है, वह पद्म लेश्या में परिणत होता है।

३१. अट्टरुद्दाणि वज्जित्ता, धम्मसुक्काणि झायए।

पसंतचित्ते दंतप्पा, समिए गुत्ते य गुत्तिहिं।।

जो मनुष्य आर्त्त और रौद्र—इन दोनों ध्यानों को छोड़कर धर्म्य और शुक्ल—इन दो ध्यानों में लीन रहता है, प्रशान्त-चित्त है, अपनी आत्मा का दमन करता है, समितियों से समित है, गुप्तियों से गुप्त है,

३२. सरागे वीयरागे वा, उवसंते जिइंदिए।

एयजोगसमाउत्तो, सुक्कलेसं तु परिणमे।।

उपशांत है, जितेन्द्रिय है—जो इन सभी प्रवृत्तियों से युक्त है, वह सराग हो या वीतराग, शुक्ल लेश्या में परिणत होता है।

३३. असंखिज्जाणोसप्पिणीण, उस्सप्पिणीण जे समया।

संखाईया लोगा, लेसाण हुंति ठाणाइं।।

असंख्येय अवसर्पिणी और उत्सर्पिणी के जितने समय होते हैं, असंख्यात लोकों के जितने आकाश-प्रदेश होते हैं, उतने ही लेश्याओं के स्थान (अध्वसाय-परिमाण) होते हैं।

३४. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, तेत्तीसं सागरा मुहुत्तहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा किण्हलेसाए।।

कृष्ण लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त१५ और उत्कृष्ट स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त अधिक१६ तेतीस सागर की होती है।

३५. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, दस उदही पलियमसंखभागमब्भहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा नीललेसाए।।

नील लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दश सागर की होती है।

३६. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, तिण्णुदही पलियमसंखभागमब्भहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा काउलेसाए।।

कापोत लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक तीन सागर की होती है।

३७. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, दोउदही पलियमसंखभागमब्भहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा तेउलेसाए।।

तेजो लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दो सागर की होती है।

३८. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, दस होंति सागरा मुहुत्ताहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा पम्हलेसाए।।

पद्म लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति मुहूर्त्त अधिक दश सागर की होती है।

३९. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, तेत्तीसं सागरा मुहुत्तहिया।

उक्कोसा होइ ठिई, नायव्वा सुक्कलेसाए।।

शुक्ल लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति मुहूर्त्त अधिक तेतीस सागर की होती है।

४०. एसा खलु लेसाणं, ओहेण ठिई उ वण्णिया होइ।

चउसु वि गईसु एत्तो, लेसाण ठिइं तु वोच्छामि।।

लेश्याओं की यह स्थिति ओघरूप (अपृथग्-भाव) से कही गई है। अब आगे पृथग्-भाव से चारों गतियों में लेश्याओं की स्थिति का वर्णन करूंगा।

४१. दस वाससहस्साइं, काऊए ठिई जहन्निया होइ।

तिण्णुदही पलिओवम, असंखभागं च उक्कोसा।।

नारकीय जीवों के कापोत लेश्या की जघन्य स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक तीन सागर की होती है।

४२. तिण्णुदही पलिय- मसंखभागा जहन्नेण नीलठिई।

दस उदही पलिओवम, असंखभागं च उक्कोसा।।

नील लेश्या की जघन्य स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक तीन सागर और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दश सागर की होती है।

४३. दस उदही पलिय-मसंखभागं जहन्निया होइ।

तेत्तीससागराइं उक्कोसा होइ किण्हाए।।

कृष्ण लेश्या की जघन्य स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दश सागर और उत्कृष्ट स्थिति तेतीस सागर की होती है।

४४. एसा नेरइयाणं, लेसाण ठिई उ वण्णिया होइ।

तेण परं वोच्छामि, तिरियमणुस्साण देवाणं।।

यह नैरयिक जीवों की लेश्याओं की स्थिति का वर्णन किया गया है। इससे आगे तिर्यंच, मनुष्य और देवों की लेश्याओं की स्थिति का वर्णन करूंगा।

४५. अंतोमुहुत्तमद्धं, लेसाण ठिई जहिं जहिं जा उ।

तिरियाण नराणं वा, वज्जित्ता केवलं लेसं।।

तिर्यंच और मनुष्य में जितनी लेश्याएं होती हैं, उनमें से शुक्ल लेश्या को छोड़कर शेष सब लेश्याओं की जघन्य और उत्कृष्ट स्थिति१७ अन्तर्मुहूर्त्त की होती है।१८

४६. मुहुत्तद्धं तु जहन्ना, उक्कोसा होइ पुव्वकोडी उ।

नवहि वरिसेहि ऊणा, नायव्वा सुक्कलेसाए।।

शुक्ल लेश्या की जघन्य स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्ट स्थिति नौ वर्ष न्यून एक करोड़ पूर्व की होती है।१९

४७. एसा तिरियनराणं, लेसाण ठिई उ वण्णिया होइ।

तेण परं वोच्छामि, लेसाण ठिइ उ देवाणं।।

यह तिर्यंच और मनुष्य के लेश्याओं की स्थिति का वर्णन किया गया है। इससे आगे देवों की लेश्याओं की स्थिति का वर्णन करूंगा।

४८. दस वाससहस्साइं, किण्हाए ठिई जहन्निया होइ।

पलियमसंखिज्जइमो, उक्कोसा होइ किण्हाए।।

देवों की कृष्ण लेश्या की जघन्य स्थिति दस हजार वर्ष और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग की होती है।२०

४९. जा किण्हाए ठिई खलु, उक्कोसा सा उ समयमब्भहिया।

जहन्नेणं नीलाए, पलियमसंखं तु उक्कोसा।।

कृष्ण लेश्या की जो उत्कृष्ट स्थिति है, उसमें एक समय मिलाने पर वह नील लेश्या की जघन्य स्थिति होती है और उसकी उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग जितनी है।२१

५०. जा नीलाए ठिई खलु, उक्कोसा सा उ समयमब्भहिया।

जहन्नेणं काऊए, पलियमसंखं च उक्कोसा।।

नील लेश्या की जो उत्कृष्ट स्थिति है, उसमें एक समय मिलाने पर वह कापोत लेश्या की जघन्य स्थिति होती है और उसकी उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग जितनी है।

५१. तेण परं वोच्छामि, तेउलेसा जहा सुरगणाणं।

भवणवइवाणमंतर-जोइसवेमाणियाणं च।।

इससे आगे भवनपति, वाणव्यन्तर, ज्योतिष्क और वैमानिक देवों की तेजोलेश्या की स्थिति का निरूपण करूंगा।

५२. पलिओवमं जहन्ना, उक्कोसा सागरा उ दुण्हहिया।

पलियमसंखेज्जेणं, होई भागेण तेऊए।।

तेजोलेश्या की जघन्य स्थिति एक पल्योपम और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दो सागर की होती है।२२

५३. दस वाससहस्साइं, तेऊए ठिई जहन्निया होई।

दुण्णुदही पलिओवम, असंखभागं च उक्कोसा।।

तेजोलेश्या की जघन्य स्थिति दस हजार वर्ष और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग अधिक दो सागर की होती है।

५४. जा तेऊए ठिई खलु, उक्कोसा सा उ समयमब्भहिया।

जहन्नेणं पम्हाए दसउ, मुहुत्तहियाइं च उक्कोसा।।

जो तेजोलेश्या की स्थिति है, उसमें एक समय मिलाने पर वह पद्म लेश्या की जघन्य स्थिति होती है और उसकी उत्कृष्ट स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त अधिक दस सागर की होती है।

५५. जा पम्हाए ठिई खलु, उक्कोसा सा उ समयमब्भहिया।

जहन्नेणं सुक्काए, तेत्तीसमुहुत्तमब्भहिया।।

जो पद्मलेश्या की उत्कृष्ट स्थिति है, उसमें एक समय मिलाने पर वह शुक्ल लेश्या की जघन्य स्थिति होती है और उसकी उत्कृष्ट स्थिति अन्तर्मुहूर्त्त अधिक तेतीस सागर की होती है।

५६. किण्हा नीला काऊ, तिन्नि वि एयाओ अहम्मलेसाओ।

एयाहि तिहि वि जीवो, दुग्गइं उववज्जई बहुसो।।

कृष्ण, नील और कापोत—ये तीनों अधर्म-लेश्याएं है। इन तीनों से जीव प्राय: दुर्गति को प्राप्त होता है।

५७. तेऊ पम्हा सुक्का, तिन्नि वि एयाओ धम्मलेसाओ।

एयाहि तिहि वि जीवो, सुग्गइं उववज्जई बहुसो।।

तैजस, पद्म और शुक्ल—ये तीनों धर्म-लेश्याएं है। इन तीनों से जीव प्राय: सुगति को प्राप्त होता है।

५८. लेसाहिं सव्वाहिं, पढमे समयम्मि परिणयाहिं तु।

न वि कस्सवि उववाओ, परे भवे अत्थि जीवस्स।।

पहले समय में परिणत सभी लेश्याओं में कोई भी जीव दूसरे भव में उत्पन्न नहीं होता।

५९. लेसाहिं सव्वाहिं, चरमे समयम्मि परिणयाहिं तु।

न वि कस्सवि उववाओ, परे भवे अत्थि जीवस्स।।

अन्तिम समय में परिणत सभी लेश्याओं में कोई भी जीव दूसरे भव में उत्पन्न नहीं होता।

६०. अंतमुहुत्तम्मि गए, अंतमुहुत्तम्मि सेसए चेव।

लेसाहिं परिणयाहिं, जीवा गच्छंति परलोयं।।

लेश्याओं की परिणति होने पर अन्तर्मुहूर्त्त बीत जाता है, अन्तर्मुहूर्त्त शेष रहता है, उस समय जीव परलोक में जाते हैं।२३

६१. तम्हा एयाण लेसाणं, अणुभागे वियाणिया।।

अप्पसत्थाओ वज्जित्ता, पसत्थाओ अहिट्ठेज्जासि।।

इसलिए इन लेश्याओं के अनुभागों को जान कर मुनि अप्रशस्त लेश्याओं का वर्जन करे और प्रशस्त लेश्याओं को स्वीकार करे।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३४ : लेश्या-अध्ययन

१.(लेसज्झयणं.......कम्मलेसाणं)

देखें—इसी अध्ययन का आमुख।

२. पद्म (पम्हा)

'पद्म' शब्द के प्राकृतरूप दो होते हैं—'पउम' और 'पम्म'। दिगम्बर साहित्य में पद्मलेश्या के लिए 'पद्म', 'पम्म' और 'पम्ह'—ये तीनों शब्द प्रयुक्त हुए हैं। 'पम्ह' का संस्कृत रूप 'पक्ष्म' होता है, पद्म नहीं। यह संभव है कि उच्चारणभेद के कारण 'पम्म' का 'पम्ह' रूप बन गया।

३. महिष (गवल)

वृत्तिकार ने इसका अर्थ—महिषश्रंग किया है। शब्दकोश में इसका अर्थ जंगली भैंसा प्राप्त होता है।

४. द्रोण-काक (रिट्ठग)

वृत्तिकार ने रिष्ठ का मुख्य अर्थ—द्रोणकाक और वैकल्पिक अर्थ—फल विशेष किया है। यह 'रीठा' फल है।

५. तैल-कंटक (कोइलच्छद)

वृत्तिकार ने इसका अर्थ—तैलकंटक किया है और उन्होंने इसकी पुष्टि में वृद्धसंप्रदाय का अभिमत उद्धृत किया है।

इसका एक अर्थ 'कोयल की पांख' भी हो सकता है।

६. त्रिकटु का (तिगडुयस्स)

त्रिकटु में तीन वस्तुओं का मिश्रण होता है—सूंठ, पिप्पल और कालीमिर्च। इसके दो पर्यायवाची नाम हैं—व्योष, त्र्यूषण।

७. कच्चे (तुवर......)

प्रस्तुत श्‍लोक में 'तरुण' शब्द आम्र के साथ प्रयुक्त है। इसका अर्थ है—अपक्‍व, कच्चा। 'तुवर' शब्द का प्रयोग 'कपित्थ' के साथ हुआ है। इसके दो अर्थ हैं—सकषाय— कषैला तथा अपक्‍व। नाममाला में 'कषायस्तुवरो रस:'—तुवर का अर्थ कषाय है। हमने इसका अर्थ—अपक्‍व किया है।

८. अनन्तगुना (परएणं)

वृत्तिकार ने 'परएणं' का अर्थ इस प्रकार किया है— पद्मलेश्या का रस आसवों से अनन्तानन्तगुना मधुर तथा अम्ल—कषाय होता है। इसका तात्पर्य है—उन आसवों से अत्यधिक मधुर रस वाला।

आज वैज्ञानिक प्रत्येक पदार्थ का औसतन मिठास ज्ञात कर लेते हैं। सूत्रकार का कथन है कि इसमें अनन्तगुना मिठास होता है। यह कैसे? इसका समाधान है कि अनन्तज्ञानी अपने ज्ञान के द्वारा उसके मिठास को जान लेते हैं। वह यंत्रों के द्वारा नापा नहीं जा सकता। प्रज्ञापना में अनन्तगुणं का अर्थ— अत्यधिक किया है।

९. (श्‍लोक २०)

प्रस्तुत श्‍लोक में लेश्याओं के परिणामों की चर्चा है। वृत्तिकार ने तारतम्य की अपेक्षा से उनको इस प्रकार उल्लिखित किया है—

" परिणाम—जघन्य, मध्यम, उत्कृष्ट

" परिणाम—तीनों के तीन-तीन प्रकार (३×३=९)

" परिणाम—नौ के तीन-तीन प्रकार (९×३=२७)

" परिणाम—सत्ताईस के तीन-तीन प्रकार (२७×३=८१)

" सौ तयालीस—परिणाम इक्यासी के तीन-तीन प्रकार (८१×३=२४३)

प्रज्ञापना में ही छहों लेश्याओं के परिणामों की यही संख्या उल्लिखित है।

१०. शंका से रहित (निद्धंधस)

यह देशी शब्द है। इसका अर्थ—अकृत्यसेवी है। वृत्ति में इसका अर्थ है—लौकिक और पारलौकिक अपायों की शंका से अत्यंत विकल। इसका वैकल्पिक अर्थ है—हिंसा के अध्यवसायों से अत्यंत अनपेक्ष।

११. नृशंस है (निस्संसो)

इसके संस्कृतरूप दो होते हैं—नृशंस: तथा नि:शंस:। नृशंस का अर्थ है—जीव हिंसा करने में नि:शंक तथा नि:शंस का अर्थ है—दूसरों की प्रशंसा से रहित।

१२. धर्म से दढ़ है (दढधम्मे)

स्थानांग सूत्र में चार प्रकार के पुरुष उल्लिखित है५—

(१) कुछ पुरुष प्रियधर्मा होते हैं, दृढ़धर्मा नहीं।

(२) कुछ पुरुष दृढ़धर्मा होते हैं, प्रियधर्मा नहीं।

(३) कुछ पुरुष प्रियधर्मा भी होते हैं और दृढ़धर्मा भी।

(४) कुछ पुरुष न प्रियधर्मा होते हैं और न दृढ़धर्मा।

बृहद्वृत्ति में दृढ़धर्मा का अर्थ—'स्वीकृत व्रतों का निर्वहन करने वाला'—किया है।

१३. पापभीरु है (वज्जभीरु)

वज्ज और अवज्ज—ये दो शब्द हैं। वज्ज का संस्कृत रूप 'वर्ज्य' और अवज्ज का 'अवद्य' है। दोनों का अर्थ एक-सा है। वृत्तिकार ने वज्ज को अवज्ज मानकर उसके अकार का लोप माना है। किन्तु यह आवश्यक नहीं है। वज्ज (वर्ज्य) ही अपने अर्थ की अभिव्यक्ति में सक्षम है।

१४. अत्यल्पभाषी है (पयणुवाई)

इसके दो अर्थ होते हैं—मितभाषी तथा धीमे बोलने वाला। वृत्ति में इसका अर्थ मितभाषी किया है।

१५. अन्तर्मुहूर्त्त (मुहुत्तद्धं)

यहां 'अद्ध'—आधे का अर्थ है—एक का समग्रविभाग आधा नहीं है। इसका अर्थ मुहूर्त्त का एक भाग, दो भाग या तीन भाग भी हो सकता है। तात्पर्य है अपूर्ण मुहूर्त्त, अन्तर् मुहूर्त्त।

१६. अन्तर्मुहूर्त्त अधिक (मुहुत्तहिया)

मुहूर्त्त अधिक का तात्पर्यार्थ है अन्तमुहूर्त्त अधिक। जो शब्द 'समुदाय' के अर्थ में व्यवहृत होता है, उसका प्रयोग एक-एक अवयव के लिए भी किया जा सकता है।

१७. स्थिति (काल) (अद्धा)

'अध्वा' शब्द के दो अर्थ हो सकते हैं—काल और क्षेत्र। यहां इसका काल अर्थ विविक्षत है।

१८. (श्‍लोक ४५-४६)

४५वें श्‍लोक में शुक्ललेश्या का वर्जन और ४६वें श्‍लोक में शुक्ललेश्या का प्रतिपादन—दोनों केवली की अपेक्षा से हैं।

१९. (श्‍लोक ४६)

प्रस्तुत श्‍लोक में शुक्ल लेश्या की उत्कृष्ट स्थिति नौ वर्ष न्यून एक करोड़ पूर्व की बतलाई गई है। वृत्तिकार का मत है कि एक करोड़ पूर्व की आयुष्य वाला कोई पुरुष आठ वर्ष की अवस्था में ही मुनि बन जाता है। उस वय में शुक्ल लेश्या संभव नहीं होती। एक वर्ष के मुनि-पर्याय के पश्‍चात् ही उसका उदय होता है। इसलिए यहां नौ वर्ष न्यून की बात कही गई है।

प्रव्रज्या नौंवें वर्ष में प्राप्त होती है इसका समर्थन भगवती से होता है। वहां दीक्षा-पर्याय का कालमान देशोन नौ वर्ष न्यून करोड़ पूर्व बतलाया गया है। इस फलित होता है कि दीक्षा कुछ कम नौ वर्ष की अवस्था में प्राप्त होती है, आठवें वर्ष में नहीं। बृहत्कल्प भाष्य में दीक्षा की न्यूनतम आयु साधिक आठ वर्ष की है। इसका तात्पर्य है कि जब मुमुक्षु सवा आठ वर्ष का हो जाता है तब गर्भ के नौ मास मिलाने पर नौंवें वर्ष में उसे दीक्षा प्राप्त हो सकती है।

२०. (श्‍लोक ४८)

भवनपति और व्यन्तर देवों के कृष्ण लेश्या की जघन्य स्थिति दस हजार वर्ष और उत्कृष्ट स्थिति पल्योपम के असंख्यातवें भाग की कही गई है। इसका तात्पर्य यह है कि इन देवों की जघन्य आयु दस हजार वर्ष की होती है, इसलिए कृष्णलेश्या की जघन्य स्थिति भी इतनी ही होगी। उत्कृष्ट स्थिति का जो उल्लेख है वह मध्यम आयुष्य वाले इन देवों को अपेक्षा से है।

प्रज्ञापना में भवनपति देवों की जघन्य स्थिति दस हजार वर्ष की और उत्कृष्ट स्थिति सातिरेक एक सागर की बताई है। वानव्यंतर देवों की जघन्य स्थिति दस हजार वर्ष की और उत्कृष्ट स्थिति एक पल्योपम की बताई है। अत: प्रस्तुत श्‍लोक में जो उत्कृष्ट स्थिति है वह मध्यम आयु वाले भवनपति और वानव्यंतर देवों की अपेक्षा से है।

२१. (श्‍लोक)

नीललेश्या का कथन भी सापेक्ष है। यहां जो असंख्यातवां भाग कहा गया है वह बृहत्तर असंख्येय भाग गृहीत है।३ कृष्ण लेश्या के प्रसंग में असंख्येय भाग छोटा है और यहां वह बड़ा है।

२२. (श्‍लोक ५२)

यहां मूलपाठ में श्‍लोक-व्यत्यय है। ५२वें श्‍लोक के स्थान पर ५३वां और ५३वें के स्थान पर ५२वां श्‍लोक होना चाहिए। क्योंकि ५१वें श्‍लोक में आगमकार भवनपति, वाणव्यन्तर, ज्योतिष्क और वैमानिक देवों की तेजोलेश्या के कथन की प्रतिज्ञा करते हैं, किन्तु ५२वें श्‍लोक में निरूपित तेजोलेश्या केवल वैमानिक देवों की अपेक्षा से है, जबकि ५३वें श्‍लोक में प्रतिपादित लेश्या का कथन चारों प्रकार के देवों की अपेक्षा से है।

२३. (श्‍लोक ६०)

प्राणी जिस लेश्या में मरता है, उसी लेश्या में उत्पन्न होता है। इसका तात्पर्य है कि वर्तमान भव का आयुष्य जब अन्तर्मुहूर्त्त परिमाण शेष रहता है, उस समय परभव की लेश्या का परिणाम आरब्ध हो जाता है। वह परिणाम अन्तर्मुहूर्त्त तक वर्तमान जीव में रहता है और अन्तर्मुहूर्त्त तक परभव में उत्पन्न होने के पश्‍चात् रहता है। दो अन्तर्मुहूर्त्त तक लेश्या की अवस्थिति एक सामान्य नियम है।

नारक और देवों के लिए कुछ विशेष नियम है। दो अन्तर्मुहूर्त्तों का नियम उन पर भी लागू होता है, किन्तु वे जिस लेश्या में उत्पन्न होते हैं उस लेश्या के परिणाम उनके आयुष्य पर्यन्त रहते हैं।

लेश्या की विशेष जानकारी के लिए द्रष्टव्य-प्रज्ञापना, पद १७।

श्री भिक्षु आगम विषय कोश पृ ५५५-५६४।

विशेष जानकारी के लिए प्रज्ञापना के मूलपाठ के कुछ अंश तथा उनकी वृत्ति यहां उद्धृत की जा रही है—

लेस्सा पद—

१४७. कति णं भंते! लेस्साओ पण्णत्ताओ? गोयमा! छल्लेसाओ, पण्णत्ताओ, तं जहा—कण्हलेस्सा जाव सुक्कलेस्सा।।

परिणमणभाव-पदं—

१४८. से णूणं भंते! कण्हलेस्सा णीललेस्सं पप्प तारूवत्ताए तावण्णत्ताए तागंधत्ताए तारसत्ताए ताफासत्ताए भुज्जो-भुज्जो परिणमति? इतो आढतं जहा चउत्थुद्देसए तहा भाणियव्वं जाव वेरुलियमणिदिट्ठंतो त्ति।।

१४९. से णूणं भंते! कण्हलेस्सा णीललेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए णो तावण्णत्ताए णो तागंधत्ताए णो तारसत्ताए णो ताफासताए भुज्जो-भुज्जो परिणमंति? हंता गोयमा! कण्हलेस्सा णीललेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए णो तावण्णत्ताए णा तागंधत्ताए णो तारसत्ताए णो ताफासत्ताए भुज्जो-भुज्जो परिणमति।।

१५०. से केणट्ठेणं भंते! एवं वुच्चति—कण्हलेस्सा नीललेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति? गोयमा! आगारभावमाताए वा से सिया पलिभागभावमाताए वा से सिया कण्हलेस्सा णं सा, णो खलु सा णीललेस्सा, तत्थ गता उस्सक्कति। से तेणट्ठेणं गोयमा! एवं वुच्चति— कण्हलेस्सा णीललेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति।।

१५१. से णूणं भंते! णीललेस्सा काउलेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति? हंता गोयमा! णीललेस्सा काउलेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति।।

१५२. से केणट्ठेणं भंते! एवं वुच्चइ—णीललेस्सा काउलेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमंति? गोयमा! आगारभावमाताए वा से सिया पलिभागभावमाताए वा सिया णीललेस्सा णं सा, णो खलु सा काउलेस्सा, तत्थ गता उस्सक्कति 'वा ओसक्कति वा' से तेणट्ठेणं गोयमा! एवं वुच्चइ—णीललेस्सा काउलेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति।।

१५३. एवं काउलेस्सा तेउलेस्सं पप्प, तेउलेस्सा पम्हलेस्सं पप्प, पम्हलेस्सा सुक्कलेस्सं पप्प।।

१५४. से णूणं भंते! सुक्कलेस्सा पम्हलेस्सं पप्पणो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति? हंता गोयमा! सुक्कलेस्सा पम्हलेस्सं पप्प णो तारूवत्ताए जाव भुज्जो-भुज्जो परिणमति।।

१५५. से केणट्ठेणं भंते! एवं वुच्चति—सुक्कलेस्सा जाव णो परिणमति? गोयमा! आगारभावमाताए वा जाव सुक्कलेस्सा णं सा, णो खलु सा पम्हलेस्सा, तत्थ गता ओसक्कति, से तेणट्ठेणं गोयमा! एवं वुच्चइ जाव णो परिणमति।।

पण्णवणा वृत्ति, पत्र ३७१, ३७२—

देवनैरयिका हि पूर्वगतचरमान्तर्मुहू़र्त्तादारभ्य यावत् परभवगतमाद्यमन्तर्मुहूर्त्तं तावदवस्थितलेश्याया: ततोऽमीषां कृष्णादिलेश्याद्रव्याणां परस्परसम्पर्केऽपि न परिणम्यपरिणामकभावो घटते तत: सम्यगधिगमाय प्रश्‍नयति—

से नूणं भंते! इत्यादि, सेशब्दोऽथशब्दार्थ:, स च प्रश्‍ने, अथ नूनं—निश्‍चितं भदन्त! कृष्णलेश्या-कृष्णलेश्याद्रव्याणि नीललेश्या—नीललेश्याद्रव्याणि प्राप्य, प्राप्तिरिह, प्रत्यासन्नत्वमात्रं गृह्यते नतु परिणम्य-परिणामकभावेनान्योऽन्यसंश्‍लेष:, तद्रूपतया— तदेव—नीललेश्याद्रव्यगतं रूपं—स्वभावो यस्य कृष्णलेश्यास्वरूपस्य तत्तद्रूपं तभ्दावस्तद्रूपता तया, एतदेवव्याचष्टे—न तद्वर्णतया न तद्गन्धतया न तद्रसतया न तत्स्पर्शतया भूयो भूय: परिणमते।

भगवानाह—हन्तेत्यादि, हन्त गौतम! कृष्णलेश्येत्यादि, तदेव ननु यदि न परिणमते तर्हिं कथं सप्तमनरकपृथिव्यामपि सम्यक्त्वलाभ: स हि तेजोलेश्यादि परिणामे भवति सप्तमनर-कपृथिव्यां च कृष्णलेश्येति, कथं चैतत् वाक्यं घटते? भावपरावत्तीए पुण सुरनेरइयाणंपि छल्लेसा इति (भावपरावृत्ते: पुन: सुरनैर-यिकाणामपि षड् लेश्या:) लेश्यान्तरद्रव्यसम्पर्कतस्तद्रूपतया परिणामासंभवेन भावपरावृत्तेरेवायोगात्,

अत एव तद्विषये प्रश्‍ननिर्वचनसूत्रे आह—

से केणट्ठेणं भंते! इत्यादि, तत्र

प्रश्‍नसूत्रं सुगमं निर्वचनसूत्रं—आकार:—तच्छायामात्रं आकारस्य भाव:—सत्ता आकारभाव: स एव मात्रा आकार- भावमात्रा तयाऽऽकारभावमात्रया मात्राशब्द आकारभावाति- रिक्तपरिणामान्तरप्रतिपत्तिव्युदासार्थ:, 'से' इति सा कृष्णलेश्या नीललेश्यारूपतया स्यात् यदि वा प्रतिभाग:—प्रतिबिम्बमादर्शादाविव विशिष्ट: प्रतिबिम्ब्यवस्तुगत आकार: प्रतिभाग एवं प्रतिभागमात्रा तया, अत्रापि मात्रा शब्द: प्रतिबिम्बातिरिक्तपरिणामन्तरव्युदासार्थ: स्यात्। कृष्णलेश्या नीललेश्यारूपतया, परमार्थत: पुन: कृष्णलेश्यैव नो खलु नीललेश्या सा स्वस्वरूपापरित्यागात्, न खल्वादर्शादयो जपाकुसुमादिसन्निधानतस्तत्प्रतिबिम्बमात्रामादधाना नादर्शादय इति परिभावनीयमेतत्, केवलं सा कृष्णलेश्या तत्र—स्वस्वरूपे गता— अवस्थिता सती उत्ष्वष्कते तदाकारभावमात्रधारणतस्तप्रतिबिम्बमात्रधारणतो वोत्सर्पतीत्यर्थ:, कृष्णलेश्यातो हि नीललेश्या विशुद्धा ततस्तदाकारभावं तत्प्रतिबिम्बमात्रं वा दधाना सती मनाक् विशुद्धा भवतीत्युत्सर्प्पतीति व्यपदिश्यते,

उपसंहारवाक्यमाह—'से एएणट्ठेण' मित्यादि, सुगमं। एवं नीललेश्याया: कापोतलेश्यामाधिकृत कापोतलेश्यायास्तेजोले- श्यामधिकृत्य तेजोलेश्याया: पद्मलेश्यामधिकृत्य पद्मलेश्याया: शुक्ललेश्यामधिकृत सूत्राणि भावनीयानि।

सम्प्रति पद्मलेश्यामधिकृत्य शुक्ललेश्याविषयं सूत्रमाह—

'से नूणं भंते! सुक्कलेसा पम्हलेसं पप्प' इत्यादि, एतच्च प्राग्वद् भावनीयं, नवरं शुक्ललेश्यापेक्षया पद्मलेश्या हीनपरिणामा तत: शुक्ललेश्या पद्मलेश्याया आकारभावं तत्प्रतिबिम्बमात्रं वा भजन्ती मनागविशुद्ध भवति ततोऽवष्वष्कते इत व्यपदिश्यते, एवं तेज: कापोतनीलकृष्णलेश्याविषयाण्यपि सूत्राणि भावनीयानि, तत: पद्मलेश्यामधिकृत्य तेज: कापोतनीलकृष्णलेश्याविषयाणि तेजोलेश्या- मधिकृत्य कापोतनीलकृष्णलेश्याविषयाणि कापोतलेश्यामधिकृत्य नीलकृष्णलेश्याविषये नीललेश्यामधिकृत्य कृष्णलेश्याविषयमिति, अमूनि च सूत्राणि साक्षात् पुस्तकेषु न दृश्यन्ते केवलमर्थत: प्रतिपत्तव्यानि, तथा मूलटीकाकारेण व्याख्यानात्, तदेवं यद्यपि देवनैरयिकाणामव- स्थितानि लेश्याद्रव्याणि तथापि तत्तदुपादीयमानलेश्यान्तरद्रव्य- सम्पर्कत: तान्यपि तदाकारभावमात्रां भजन्त इति भावपरावृत्तियोगत: षडपि लेश्या घटन्त, तत: सप्तनरकपृथिव्यामपि सम्यक्त्वलाभ इति न कश्‍चिद्दोष:।।

♦

पैंतीसवां अध्ययन : अनगार-मार्ग-गति

35

पैंतीसवां अध्ययन : अनगार-मार्ग-गति

आमुख

अठाईसवें अध्ययन में मोक्ष-मार्ग की गति (अवबोध) दी गई है और इस अध्ययन में अनगार-मार्ग की। इसीलिए उसका नाम—'मोक्खमग्गगई' और इसका नाम—'अणगारमग्गगई'—'अनगार-मार्ग-गति' है।

अनगार मुमुक्षु होता है, अत: उसका मार्ग मोक्ष-मार्ग से भिन्न कैसे होगा? यदि नहीं होगा तो इसके प्रतिपादन का फिर क्या अर्थ है?

इस प्रश्‍न हम इस भाषा में सोचें—मोक्ष-मार्ग व्यापक शब्द है। उसके चार अंग हैं—ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप।

नाणं च दंसणं चेव, चरित्तं च तवो तहा।

एस मग्गो त्ति पण्णत्तो जिणेहि वरदंसिहिं।। (२८।२)

अनगार-मार्ग-मोक्ष-गति की तुलना में सीमित है। ज्ञान, दर्शन और तप की आराधना गृहवास में भी हो सकती है। उसके जीवन में केवल अनगार—चारित्र की आराधना नहीं होती। प्रस्तुत अध्ययन में उसी का प्रतिपादन है। इस तथ्य को इस भाषा में भी रखा जा सकता है कि प्रस्तुत अध्ययन में मोक्ष-मार्ग के तीसरे अंग (चारित्र) के द्वितीय अंश—अनगार- चारित्र—का कर्त्तव्य-निर्देश है।

इस अध्ययन का मुख्य प्रतिपाद्य संग-विज्ञान है। संग का अर्थ लेप या आसक्ति है। उसके १३ अंग बतलाए गए हैं—

१. हिंसा,

२. असत्य,

३. चौर्य,

४. अब्रह्म-सेवन,

५. इच्छा-काम,

६. लोभ,

७. संसक्त-स्थान,

८. गृह-निर्माण,

९. अन्न-पाक,

१०. धनार्जन की वृत्ति

११. प्रबिद्ध-भिक्षा,

१२. स्वाद-वृत्ति,

१३. पूजा की अभिलाषा।

इक्कीसवें अध्ययन में पांचवां महाव्रत अपरिग्रह है। इस अध्ययन में उसके स्थान पर इच्छा-काम व लोभ-वर्जन है।

अहिंस सच्चं च अतेणगं च, तत्तो य बंभं अपरिग्गहं च।

पडिवज्जिया पंच महव्वयाणि, चरिज्ज धम्मं जिणदेसियं विऊ।। (२१।१२)

तहेव हिंसं अलियं, चोज्जं अबंभसेवणं।

इच्छाकामं च लोभं च, संजओ परिवज्जए।। (३५।३)

चौंतीसवें अध्ययन (श्‍लोक ३१) में बतलाया गया है—

'धम्मसुक्काणि झायए'—मुनि धर्म्य और शुक्ल ध्यान का अभ्यास करे।

इस अध्ययन (श्‍लोक १९ ) में केवल शुक्लध्यान के अभ्यास की विधि बतलाई गई है—'सुक्कझाणं झियाएज्जा'।

इसमें मृत्यु-धर्म की ओर भी इंगित किया गया है। मुनि जब तक जीए तब तक असंग जीवन जीए और जब काल-धर्म उपस्थित हो, तब वह आहार का परित्याग कर दे (श्‍लोक २०)। आगमकार को अनशनपूर्वक मृत्यु अधिक अभीप्सित है।

जीवन-काल में देह-व्युत्सर्ग के अभ्यास का निर्देश दिया गया है (श्‍लोक १९)। देह-व्युत्सर्ग का अर्थ देह-मुक्ति नहीं, किंतु देह के प्रतिबन्ध से मुक्ति है। मनुष्य के लिए देह तब तक बन्धन रहता है, जब तक वह देह से प्रतिबद्ध रहता है।

देह के प्रतिबन्ध से मुक्त होने पर वह मात्र साधन रहता है, बन्धन नहीं।

देह-व्युत्सर्ग असंग का मुख्य हेतु है। यही अनगार का मार्ग है। इससे दु:खों का अंत होता है (श्‍लोक १)। अनगार का मार्ग दु:ख-प्राप्ति के लिए नहीं, किन्तु दु:ख-मुक्ति के लिए है।

अनगार दु:ख को स्वीकार नहीं करता, किन्तु उसके मूल को विनष्ट करने का मार्ग चुनता है और उसमें चलता है। उस पर चलने में जो दु:ख प्राप्त होते हैं, उन्हें वह झेलता है।

मनोहर गृह का त्याग और श्मशान, शून्यागार व वृक्ष-मूल में निवास कष्ट है पर यह कष्ट झेलने के लक्ष्य से निष्पन्न कष्ट नहीं है, किन्तु इंद्रिय-विजय (श्‍लोक ४,५) के मार्ग में प्राप्त कष्ट है। इसी प्रकार अन्न-पाक न करना और भिक्षा लेना कष्ट है पर यह भी अहिंसा-धर्म के अनुपालन में प्राप्त कष्ट है। (श्‍लोक १०,११,१२,१६)

इस प्रकार इस लघु-काय अध्ययन में अनेक महत्त्वपूर्ण चर्या-अंगों की प्ररूपणा हुई है।

पणतीसइमं अज्झयणं : अणगारमग्गगई

पैंतीसवां अध्ययन : अनगार-मार्ग-गति

मूल

१. सुणेह मेगग्गमणा, मग्गं बुद्धेहि देसियं।

जमायरंतो भिक्खू, दुक्खाणंतकरो भवे।।

हिन्‍दी अनुवाद

तुम एकाग्र मन होकर बुद्धों (तीर्थंकरों) के द्वारा उपदिष्ट उस मार्ग को मुझसे सुनो, जिसका आचरण करता हुआ भिक्षु दु:खों का अन्त कर देता है।

२. गिहवासं परिच्चज्ज, पवज्जं अस्सिओ मुणी।

इमे संगे वियाणिज्जा, जेहिं सज्जंति माणवा।।

जो मुनि गृह-वास को छोड़कर प्रव्रज्या को अंगीकार कर चुका, वह उन संगों (लेपों) को जाने, जिनसे मनुष्य सक्त (लिप्त) होता है।

३. तहेव हिंसं अलियं, चोज्जं अबंभसेवणं।

इच्छाकामं च लोभं च, संजओ परिवज्जए।।

संयमी मुनि हिंसा, झूठ, चोरी, अब्रह्मचर्य-सेवन, इच्छा-काम (अप्राप्त वस्तु की आकांक्षा) और लोभ इन—सबका परिवर्जन करे।

४. मणोहरं चित्तहरं, मल्लधूवेण वासियं।

सकवाडं पंडुरुल्लोयं, मणसा वि न पत्थए।।

जो स्थान मनोहर चित्रों से आकीर्ण, माल्य और धूप से सुवासित, किवाड़ सहित१श्‍वेत चन्दवा से युक्त हो वैसे स्थान की मन से भी अभिलाषा न करे।

५. इंदियाणि उ भिक्खुस्स, तारिसम्मि उवस्सए।

दुक्कराइं निवारेउं, कामरागविवड्ढणे।।

काम-राग को बढ़ाने वाले वैसे उपाश्रय में इन्द्रियों का निवारण करना—उन पर नियन्त्रण पाना भिक्षु के लिए दुष्कर होता है।

६. सुसाणे सुन्नगारे वा, रुक्खमूले व एक्कओ।

पइरिक्के परकडे वा, वासं तत्थभिरोयए।।

इसलिए एकाकी भिक्षु श्मशान में, शून्यगृह में, वृक्ष के मूल में अथवा परकृत एकान्त स्थान में रहने की इच्छा करे।२

७. फासुयम्मि अणाबाहे, इत्थीहिं अणभिद्दुए।

तत्थ संकप्पए वासं, भिक्खू परमसंजए।।

परम संयत भिक्षु प्रासुक, अनाबाध और स्त्रियों के उपद्रव से रहित स्थान में रहने का संकल्प करे।

८. न सयं गिहाइं कुज्जा, णेव अन्नेहिं कारए।

गिहकम्मसमारंभे, भूयाणं दीसई वहो।।

भिक्षु न स्वयं घर बनाए और न दूसरों से बनवाए। गृह-निर्माण के समारम्भ (प्रवृत्ति) में जीवों—त्रस

९. तसाणं थावराणं च, सुहुमाणं बायराण य।

तम्हा गिहसमारंभं, संजओ परिवज्जए।।

और स्थावर, सूक्ष्म और बादर का वध देखा जाता है। इसलिए संयत भिक्षु गृह-समारम्भ का परित्याग करे।

१०. तहेव भत्तपाणेसु, पयण पयावणेसु य।

पाणभूयदयट्ठाए, न पये न पयावए।।

भक्त-पान के पकाने और पकवाने में हिंसा होती है, अत: प्राणों और भूतों की दया के लिए भिक्षु न पकाए और न पकवाए।

११. जलधन्ननिस्सिया जीवा, पुढवीकट्ठनिस्सिया।

हम्मंति भत्तपाणेसु, तम्हा भिक्खू न पायए।।

भक्त और पान के पकाने में जल और धान्य के आश्रित तथा पृथ्वी और काष्ठ के आश्रित जीवों का हनन होता है, इसलिए भिक्षु न पकवाए।

१२. विसप्पे सव्वओधारे, बहुपाणविणासणे।

नत्थि जोइसमे सत्थे, तम्हा जोइं न दीवए।।

अग्‍नि फैलने वाली, सब ओर से धार वाली और बहुत जीवों का विनाश करने वाली होती है, उसके समान दूसरा कोई शस्त्र नहीं होता, इसलिए भिक्षु उसे न जलाए।

१३. हिरण्णं जायरूवं च, मणसा वि न पत्थए।

समलेट्ठुकंचणे भिक्खू, विरए कयविक्कए।।

क्रय और विक्रय से विरत, मिट्टी के ढेले और सोने को समान समझने वाला भिक्षु सोने और चांदी की मन से भी इच्छा न करे।

१४. किणंतो कइओ होइ, विक्किणंतो य वाणिओ।

कयविक्कयम्मि वट्टंतो, भिक्खू न भवइ तारिसो।।

वस्तु को खरीदने वाला क्रयिक होता है और बेचने वाला वणिक्। क्रय और विक्रय में वर्तन करने वाला भिक्षु वैसा नहीं होता—उत्तम भिक्षु नहीं होता।

१५. भिक्खयव्वं न केयव्वं, भिक्खुणा भिक्खवत्तिणा।

कयविक्कओ महादोसो, भिक्खावत्ती सुहावहा।।

भिक्षा-वृत्ति वाले भिक्षु को भिक्षा ही करनी चाहिए, क्रय-विक्रय नहीं। क्रय-विक्रय महान् दोष है। भिक्षा-वृत्ति सुख को देने वाली है।

१६. समुयाणं उंछमेसिज्जा, जहासुत्तमणिंदियं।

लाभालाभम्मि संतुट्ठे, पिंडवायं चरे मुणी।।

मुनि सूत्र के अनुसार३, अनिन्दित और सामुदायिक उञ्छ की एषणा करे। वह लाभ और अलाभ से सन्तुष्ट रहकर पिण्ड-पात (भिक्षा) की चर्या करे।

१७. अलोले न रसे गिद्धे, जिब्भादंते अमुच्छिए।

न रसट्ठाए भुंजिज्जा, जवणट्ठाए महामुणी।।

अलोलुप, रस में अगृद्ध, जीभ का दमन करने वाला और अमूर्च्छित महामुनि रस (स्वाद) के लिए४न खाए, किन्तु जीवन-निर्वाह के लिए५खाए।

१८. अच्चणं रयणं चेव, वंदणं पूयणं तहा।

इड्ढीसक्कारसम्माणं, मणसा वि न पत्थए।।

मुनि अर्चना, रचना (अक्षत, मोती आदि का स्वस्तिक बनाना), वन्दना, पूजा, ऋद्धि, सत्कार और सम्मान की मन से भी प्रार्थना (अभिलाषा) न करे।

१९. सुक्कझाणं झियाएज्जा, अणियाणे अकिंचणे।

वोसट्ठकाए विहरेज्जा, जाव कालस्स पज्जओ।।

मुनि शुक्ल ध्यान ध्याए। अनिदान और अकिंचन रहे। वह जीवन भर व्युत्सृष्टकाय (देहाध्यास से मुक्त) होकर विहार करे।

२०. निज्जूहिऊण आहारं, कालधम्मे उवट्ठिए।

जहिऊण माणुसं बोंदिं, पहू दुक्खे विमुच्चई।।

समर्थ मुनि काल-धर्म में उपस्थित होने पर आहार का परित्याग करके, मनुष्य शरीर को छोड़ कर दु:खों से विमुक्त हो जाता है।६

२१. निम्ममो निरहंकारो, वीयरागो अणासवो।

संपत्तो केवलं नाणं, सासयं परिणिव्वुए।।

ममकार से शून्य और निरहंकार, वीतराग और आश्रवों से रहित मुनि शाश्‍वत केवलज्ञान को प्राप्त कर परिनिर्वृत हो जाता है—सर्वथा आत्मस्थ हो जाता है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३५ : अनगार-मार्ग-गति

१. किवाड़ सहित (सकवाडं)

महात्मा बुद्ध ने किवाड़ वाले कोठों में न रहने को अपनी पूजा का कारण मानने से इन्कार किया है। उन्होंने कहा है—''उदायी! 'जैसे तैसे शयनासन से सन्तुष्ट, सन्तुष्टता-प्रशंसक' इससे यदि मुझे श्रावक पूजते; तो उदायी! मेरे श्रावक वृक्ष-मूलिक (वृक्ष के नीचे सदा रहने वाले), अब्भोकाशिक (अध्यवकाशिक— सदा चौड़े में रहने वाला) भी हैं, वह आठ मास (वर्षा के चार मास छोड़) छत के नीचे नहीं आते। मैं तो उदायी! कभी-कभी लिपे-पोते वायु-रहित, किवाड़ खिड़की-बन्द कोठो (कूटागारों) में भी विहरता हूं।''

२. (श्‍लोक ६)

बौद्ध-भिक्षुओं के लिए तेरह धुताङ्गों का विधान है। उनमें नौवां धुताङ्ग वृक्ष-मूलिकांग और ग्यारहवां धुताङ्ग श्मशाननिकांग है। विशुद्धि मार्ग में कहा है—

वृक्ष-मूलिकांग भी—''छाये हुए को त्यागता हूं, वृक्ष के नीचे रहने को ग्रहण करता हूं'' इनमें से किसी एक वाक्य से ग्रहण किया होता है। उस वृक्षमूलिक को (संघ) सीमा के वृक्ष, (देवी-देवीताओं) चैत्य पर के वृक्ष गोंड का पेड़, फले हुए पेड़, चमगादड़ों वाला वृक्ष, धोंधड वाला पेड़, विहार के बीच खड़े पेड़—इन पेड़ों को छोड़कर विहार से दूर वाले पेड़ को ग्रहण करना चाहिए। यह इसका विधान है।

प्रभेद से यह भी तीन प्रकार का होता है। उनमें उत्कृष्ट रुचि के अनुसार पेड़ ग्रहण करके साफ-सुथरा नहीं करा सकता है। गिरे हुए पत्तों को पैरों से हटा कर उसे रहना चाहिए। मध्यम उस स्थान को आए हुए आदमियों से साफ-सुथरा करा सकता है। मृदु को मठ के श्रामणेरों को बुला कर साफ करवा, बराबर करके बालू छिंटवा, चहार-दिवारी से घेरा बनवा कर, दरवाजा लगवा, रहना चाहिए। पूजा के दिन वृक्षमूलिक को वहां न बैठ कर, दूसरी जगह आड़ में बैठन चाहिए। इन तीनों की धुतांग छाये हुए (स्थान) में वास करने के क्षण टूट जाता है। ''जान कर छाये हुए (स्थान) में अरुणोदय उगाने पर'' अंगुत्तर-भाणक कहते हैं। यह भेद (विनाश) है।

यह गुण है—''वृक्ष मूल वाले शयनासन के सहारे प्रव्रज्या है।'' इस वाक्य से निश्‍चय के अनुसार प्रतिपत्ति का होना। 'वे थोड़े किन्तु सुलभ और निर्दोष हैं।' भगवान् द्वारा प्रशंसित होने का प्रत्यय, हर समय पेड़ की पत्तियों के विकारों को देखने से अनित्य का ख्याल पैदा होना, शयनासन की कंजूसी और (नाना) काम जुटे रहने का अभाव, देवताओं के साथ रहना, अल्पेच्छता आदि के अनुसार वृत्ति।

वण्णितो बुद्धसेट्ठेन निस्सयोति च भासितो।

निवासो पविवित्तस्स रुक्खमूल समो कुतो।।

(श्रेष्ठ भगवान बुद्ध द्वारा प्रशंसित और निश्रय कहे गए एकांत निवास के लिए वृक्षमूल के समान दूसरा क्या है?)

आवासमच्छेर हरे देवता परिपालिते।

पविवित्ते वसन्तो हि रुक्खमूलम्हि सुव्वतो।।

अभिरत्तानि नीलानि पण्डूदि पतितानि च।

पस्सन्तो तरुपण्णानि निच्चसञ्जं पनूदति।।

(मठ 'सम्बन्धी') कंजूसी दूर हो जाती है। देवताओं द्वारा प्रतिपालित एकांत में वॄ़क्ष के नीचे रहता हुआ, शीलवान (भिक्षु) लाल, नीले और गिरे हुए, पेड के पत्तों को देखते, नित्य (होने) के ख्याल के छोड़ देता है।

तस्मा हि बुद्धदायज्जं भावनाभिरतालवं।

विवित्तं नातिमञ्जेय्य रुक्खमूलं विचक्खणो।।

(इसलिए बुद्ध-दायाद, भावना में लगे रहने के आलय और एकांत वृक्षमूल की बुद्धिमान (भिक्षु) अवहेलना न करें)।

निदान कथा (जातकट्ठकथा, पृष्ठ १३,१४) में वृक्ष-मूल में रहने के दस गुण बतलाए हैं।

श्मशानिकांग भी—''श्मशान को नहीं त्यागूंगा, श्मशानिकांग को ग्रहण करता हूं'', इनमें से किसी एक वाक्य से ग्रहण किया होता है। उस श्मशानिक को, जो कि आदमी गांव बसाते हुए ''यह श्मशान है'' मानते हैं, वहां नहीं रहना चाहिए क्योंकि बिना मुर्दा जलाया हुआ (स्थान) श्मशान नहीं होता। जलाने के समय से लेकर यदि बारह वर्ष भी छोड़ा गया रहता है, तो (वह) श्मशान ही है।

उसमें रहने वाले को चंक्रमण, मंडप आदि बनवा, चारपाई-चौकी बिछा कर, पीने के लिए पानी रख धर्म वांचते हुए नहीं रहना चाहिए। यह धुतांग बहुत कठिन है। इसलिए उत्पन्न उपद्रव को मिटाने के लिए संघ-स्थविर (संघ के बूढ़े भिक्षु) या राज-कर्मचारी को जना कर अप्रमाद के साथ रहना चाहिए। चंक्रमण करते समय, आधी आंख के मुर्दा-घाटी (मुर्दा जलाने के स्थान) को देखते हुए चंक्रमण करना चाहिए। श्मशान में जाते हुए भी महामार्ग से उतरकर, बे-राह जाना चाहिए। दिन मे ही आलम्बन को भलीभांति देखकर (मन में) बैठा लेना चाहिए। इस प्रकार (करने से) उसके लिए वह रात्रि भयानक न होगी। अमनुष्यों के शोर करके घूमते हुए भी किसी चीज से मारना नहीं चाहिए। श्मशान नित्य जाना चाहिए। (रात्री के) बिचले प्रहर को श्मशान में बिता कर पिछले प्रहर में लौटना चाहिए। ऐसा अंगुत्तर भाणक कहते हैं। अमनुष्यों के प्रिय तिल की पिट्ठी (तिल का कसार), उर्द से मिलाकर बनाया भात (खिचड़ी), मछली, मांस, दूध, तेल, गुड़ आदि खाद्य भोज्य को नहीं खाना चाहिए। (लोगों के) घरों में नहीं जाना चाहिए। यह इसका विधान है।

प्रभेद से यह भी तीन प्रकार का होता है। उत्कृष्ट को जहां हमेशा मुर्दे जलाए जाते हैं, हमेशा मुर्दे पड़े रहते हैं, हमेशा रोना-पीटना (लगा) रहता है, वहीं बसना चाहिए। मध्यम के लिए तीनों में से एक के भी होने पर ठीक है। मृदु के लिए उक्त प्रकार से श्मशान को पाने मात्र पर। इन तीनों का भी धुतांग अश्मशान (जो श्मशान न हो) में वास करने से टूट जाता है। 'श्मशान को नहीं जाने के दिन' (ऐसा) अंगुत्तर-भाणक कहते हैं। यह भेद (विनाश) है।

यह गुण है—मरने का ख्याल बने रहना, अप्रमाद के साथ विहरना, अशुभ निमित्त का लाभ, कामराग का दूरीकरण, हमेशा शरीर के स्वभाव को देखना, संवेग की अधिकाता, आरोग्यता, आदि घमण्डों का त्याग, भय और भयानकता की सहनशीलता, अमनुष्यों का गौरवनीय होना, अल्पेच्छ आदि के अनुसार वृत्ति का होना।

सोसानिकं हि मरणानुसतिप्पभावा।

निद्दागतम्पि न फुसन्ति पमाददोसा।।

सम्पस्स्तो च कुणपानि बहूनि तस्स।

कामानुराग वसगम्पि न होति चित्त।।

(श्मशानिक को मरणानुस्मृति के प्रभाव से सोते हुए भी प्रमाद से प्राप्त होने वाले दोष नहीं छू पाते और बहुत से मुर्दों को देखते हुए, उसका चित्त कामराग के भी वशीभूत नहीं होता।)

संवेगमेति विपुलं न मदं उपेति।

सम्मा अथो घटति निब्बुतिमेसमानो।।

सोसानिकङ्गमिति नेकगुणावहत्ता।

निब्बाननिन्न हृदयेन निसेवितब्बं।।

(बहुत संवेग उत्पन्न होता है। घमंड नहीं आता। वह शांति (निर्वाण) को खोजते हुए भलीभांति उद्योग करता है, इसलिए अनेक गुणों को लाने वाले श्मशानिकांग का निर्वाण की ओर झुके हुए हृदय से सेवा करना चाहिए)।

३. सूत्र के अनुसार (जहासुतं)

'यथासूत्र' का अर्थ है—आगम-निर्दिष्ट एषणा के दोषों से रहित भिक्षा। इसकी संपूर्ण विधि के लिए देखें—दसवेआलियं का पांचवां अध्ययन।

४. रस (स्वाद) के लिए (रसट्ठाए)

रस का अर्थ है—स्वाद। वृत्तिकार ने इसका वैकल्पिक अर्थ—धातुविशेष किया है। शरीर की प्रधान धातुएं सात हैं— रस, रक्त, मांस, मेद, अस्थि, मज्जा और शुक्र। 'इन धातुओं के उपचय के लिए—रस का यह अर्थ भी हो सकता है।

५. जीवन-निर्वाह के लिए (जवणट्ठाए)

इसका अर्थ है—संयम जीवन के निर्वाह के लिए। इसके संस्कृत रूप दो हो सकते हैं—यापनार्थम्, यमनार्थम्। 'यापनार्थम्'—का अर्थ है संयम जीवन के निर्वाह के लिए। 'यमनार्थम्' का अर्थ है—इन्द्रियों पर नियंत्रण के लिए अथवा इन्द्रिय-विजय की साधना करने के लिए। ये दोनों अर्थ प्रासंगिक हैं।

६. (श्‍लोक २०)

मुनि जब यह देखें कि आयुक्षय निकट है—मृत्यु सन्निकट है—तब वह आहार का परित्याग कर अनशन करे। वृत्तिकार ने यहां एक सुन्दर शिक्षापद प्रस्तुत किया है। अनशन करने वाला तत्काल अनशन न करे। वह अनशन से पूर्व 'संलेखना' के क्रम को स्वीकार करे। तत्काल अनशन करने से अनेक बाधाएं उपस्थित हो सकती हैं।

'देहम्मि असंलिहिए सहसा धाऊहि खिज्जमाणाहिं।

जायइ अट्टज्झाणं सरीरिणो चरमकालंमि।।'

जो साधक संलेखना के क्रम से गुजरने से पूर्व तो अनशन कर लेता है, उसके मृत्यु के समय आर्त्तध्यान हो सकता है, क्योंकि भोजन न करने की अवस्था में शरीर की धातुओं का क्षय होता है और तब शरीर में अनेक उपद्रव खड़े हो जाते हैं। यह आर्त्त-ध्यान का एक कारण बनता है।

♦

छत्तीसवां अध्ययन : जीवाजीवविभक्ति

36

छत्तीसवां अध्ययन : जीवाजीवविभक्ति

आमुख

इस अध्ययन में जीव और अजीव के विभागों का निरूपण किया गया है। इसलिए इसका नाम 'जीवाजीवविभत्ती'— 'जीवाजीवविभक्ति' है।

जैन तत्त्वविद्या के अनुसार मूल तत्त्व दो हैं—जीव और अजीव। शेष सब तत्त्व इनके अवान्तर विभाग हैं। प्रस्तुत अध्ययन में लोक की परिभाषा इसी आधार पर की गई है: ''जीवा चेव अजीवा य, एस लोए वियाहिए''। (श्‍लो. २)

प्रज्ञापना के प्रथम पद में जीव और अजीव की प्रज्ञापना की गई है। उसकी जीव-प्रज्ञापना का क्रम प्रस्तुत अध्ययन की जीव-विभक्ति से कुछ भिन्न है। यहां संसारी जीवों के दो प्रकार किए गए हैं—त्रस और स्थावर। स्थावर के तीन प्रकार हैं—पृथ्वी, जल और वनस्पति (श्‍लो. ६८-६९) के भी तीन प्रकार हैं—अग्‍नि, वायु और उदार (श्‍लो. १०७)। उदार के चार प्रकार हैं—द्वीन्द्रिय, त्रीनिद्रय, चतुरिन्द्रिय और पंचेन्द्रिय (श्‍लो. १२६)।

प्रज्ञापना में संसारी जीवों के पांच प्रकार किए गए हैं—एकेन्द्रिय, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और पंचेन्द्रिय।

प्रस्तुत अध्ययन के जीव-विभाग में एकेन्द्रिय का उल्लेख नहीं है और प्रज्ञापना में त्रस-स्थावर का विभाग नहीं है। आचारांग (प्रथम श्रुतस्कन्ध) सबसे प्राचीन आगम माना जाता है। उसमें जीव-निकाय के रूप में प्राप्त है। छह जीव-निकाय का क्रम इस प्रकार है—पृथ्वी, जल, तेजस्, वायु, वनस्पति और त्रस। आचारांग के नौवें अध्ययन में छह जीव-निकाय का क्रम भिन्न प्रकार से मिलता है—पृथ्वी, जल, तेजस्, वायु, वनस्पति और त्रस। वहां त्रस और स्थावर ये दो विभाग भी मिलते हैं।

आचारांग के आधार पर यह अनुमान किया जा सकता है कि जीवों का प्राचीनतम विभाग छह जीवनिकाय के रूप में रहा है। त्रस और स्थावर का विभाग भी प्राचीन है, किन्तु स्थावर के तीन प्रकार और त्रस के तीन प्रकार—यह विभाग आचारांग में नहीं मिलता। स्थानांग में यह प्राप्त है। सम्भव है स्थानांग से उत्तराध्ययन में यह गृहीत हुआ है।

प्रज्ञापना का यह विभाग और भी उत्तरवर्ती जान पड़ता है।

जीव और अजीव का विशद वर्णन जीवाजीवाभिगम सूत्र में मिलता है। यह उत्तरवर्ती आगम है, इसलिए इसमें जीव-विभाग सम्बन्धी अनेक मतों का संग्रहण किया गया है:

(१) दो प्रकार के जीव—त्रस और स्थावर।

(२) तीन प्रकार के जीव—स्त्री, पुरुष और नपुंसक।

(३) चार प्रकार के जीव—नैरयिक, तिर्यंच-योनिक, मनुष्य और देव।

(४) पांच प्रकार के जीव—एकेन्द्रिय, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और पंचेन्द्रिय।

(५) छह प्रकार के जीव—पृथ्वीकायिक, अप्कायिक, तेजस्कायिक, वायुकायिक, वनस्पतिकायिक और त्रसकायिक।

(६) सात प्रकार के जीव—नैरयिक, तिर्यंच, तिर्यंची, मनुष्य, स्त्री, देव और देवी।

(७) आठ प्रकार के जीव—

प्रथम समय के नैरयिक, अप्रथम समय के नैरयिक।

प्रथम समय के तिर्यंच, अप्रथम समय के तिर्यंच।

प्रथम समय के मनुष्य, अप्रथम समय के मनुष्य।

प्रथम समय के देव, अप्रथम समय के देव।

(८) नौ प्रकार के जीव—पृथ्वीकायिक, अप्कायिक, तेजस्कायिक, वायुकायिक, वनस्पतिकायिक, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और पंचेन्द्रिय।

(९) दस प्रकार के जीव—

प्रथम समय के एकेन्द्रिय, अप्रथम समय के एकेन्द्रिय।

प्रथम समय के द्वीन्द्रिय, अप्रथम समय के द्वीन्द्रिय।

प्रथम समय के त्रीन्द्रिय, अप्रथम समय के त्रीन्द्रिय।

प्रथम समय के चतुरिन्द्रिय, अप्रथम समय के चतुरिन्द्रिय।

प्रथम समय के पंचेन्द्रिय, अप्रथम समय के पंचेन्द्रिय।

इस प्रकार आगम-ग्रंथों में अनेक विवक्षाओं से जीवों के अनेक विभाग प्राप्त होते हैं। प्रस्तुत अध्ययन में अजीव के दो भेद किए हैं—रूपी और अरूपी। (श्‍लो. ४)

अरूपी अजीव के दस भेद हैं (श्‍लो. ४,५,६) :

(१) धर्मास्तिकाय,

(२) धर्मास्तिकाय का देश,

(३) धर्मास्तिकाय का प्रदेश,

(४) अधर्मास्तिकाय,

(५) अधर्मास्तिकाय का देश,

(६) अधर्मास्तिकाय का प्रदेश,

(७) आकाशास्तिकाय,

(८) आकाशास्तिकाय का देश

(९) आकाशास्तिकाय का प्रदेश और

रूपी अजीव के चार भेद हैं (श्‍लो. १०) :

(१) स्कन्ध,

(२) स्कन्ध-देश,

(३) स्कन्ध-प्रदेश और

(४) परमाणु।

प्रज्ञापना और जीवाजीवाभिगम सूत्र में भी अजीव का यही विभाग मान्य है।

छत्तीसइमं अज्झयणं : जीवाजीविभत्ती

छत्तीसवां अध्ययन : जीवाजीवविभक्ति

मूल

१. जीवाजीवविभत्तिं, सुणेह मे एगमणा इओ।

जं जाणिऊण समणे, सम्मं जयइ संजमे।।

हिन्‍दी अनुवाद

तुम एकाग्र मन होकर मेरे पास जीव और अजीव का वह विभाग१ सुनो, जिसे जानकर श्रमण संयम में सम्यक् प्रयत्‍न करता है।

२. जीवा चेव अजीवा य,एस लोए वियाहिए।

अजीवदेसमागासे, अलोए से वियाहिए।।

यह लोक जीव और अजीवमय है।२ जहां अजीव का देश आकाश ही है३, उसे अलोक कहा गया है।

३. दव्वओ खेत्तओ चेव, कालओ भावओ तहा।

परूवणा तेसि भवे, जीवाणमजीवाण य।।

जीव और अजीव की प्ररूपणा द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव—इन चार दृष्टियों से होती है।४

४. रूविणो चेवरूवी य, अजीवा दुविहा भवे।

अरूवी दसहा वुत्ता, रूविणो वि चउव्विहा।।

अजीव दो प्रकार का है—रूपी और अरूपी। अरूपी के दस और रूपी के चार प्रकार हैं।५

५. धम्मत्थिकाए तद्देसे, तप्पएसे य आहिए।

अहम्मे तस्स देसे य, तप्पएसे य आहिए।।

धर्मास्तिकाय और उसका देश तथा प्रदेश, अधर्मास्तिकाय और उसका देश तथा प्रदेश६,

६. आगासे तस्स देसे य, तप्पएसे य आहिए।

अद्धासमए चेव, अरूवी दसहा भवे।।

आकाशास्तिकाय और उसका देश तथा प्रदेश तथा एक अध्वासमय (काल)७ —ये दस भेद अरूपी अजीव के होते हैं।

७. धम्माधम्मे य दोवेए, लोगमित्ता वियाहिया।

लोगालोगे य आगासे, समए समयखेत्तिए।।

धर्मास्तिकाय और अधर्मास्तिकाय—ये दोनों लोकप्रमाण हैं। आकाश लोक और अलोक दोनों में व्याप्त है। समय समय-क्षेत्र (मनुष्य लोक) में८ ही होता है।

८. धम्माधम्मागासा, तिन्नि वि एए अणाइया।

अपज्जवसिया चेव, सव्वद्धं तु वियाहिया।।

धर्म, अधर्म और आकाश ये तीन द्रव्य अनादि-अनन्त और सर्वकालिक होते हैं।

९. समए वि संतइ पप्प, एवमेव वियाहिए।

आएसं पप्प साईए, सपज्जवसिए वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा समय अनादि-अनन्त है। एक-एक क्षण की अपेक्षा से वह सादि-सान्त है।

१०. खंधा य खंधदेसा य, तप्पएसा तहेव य।

परमाणुणो य बोद्धव्वा, रूविणो य चउव्विहा।।

रूपी पुद्गल के चार भेद होते हैं—१. स्कन्ध, २. स्कन्ध-देश, ३. स्कन्ध-प्रदेश और ४. परमाणु।

११. एगत्तेण पुहत्तेण, खंधा य परमाणुणो।

लोएगदेसे लोए य, भइयव्वा ते उ खेत्तओ।।

अनेक परमाणुओं के एकत्व से स्कन्ध बनता है और उसका पृथक्त्व होने से परमाणु बनते हैं। क्षेत्र की अपेक्षा से वे (स्कन्ध) लोक के एक देश और समूचे लोक में भाज्य है—असंख्य विकल्प युक्त है।९

१२. संतइं पप्प तेणाई, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

वे (स्कन्ध और परमाणु) प्रवाह की अपेक्षा से अनादि-अनन्त हैं तथा स्थिति (एक क्षेत्र में रहने) की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१३. असंखकालमुक्कोसं, एगं समयं जहन्निया।

अजीवाण य रूवीणं, ठिई एसा वियाहिया।।

रूपी अजीवों (पुद्गलों) की स्थिति जघन्यत: एक समय और उत्कृष्टत: असंख्यात काल की होती है।

१४. अणंतकालमुक्कोसं, एगं समयं जहन्नयं।

अजीवाण य रूवीण, अंतरेयं वियाहियं।।

उनका अन्तर (स्वस्थान से स्खलित होकर वापिस नहीं आने तक का काल) जघन्यत: एक समय और उत्कृष्टत: अनन्त काल का होता है।१०

१५. वण्णओ गंधओ चेव, रसओ फासओ तहा।

संठाणओ य विन्नेओ, परिणामो तेसि पंचहा।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की अपेक्षा से उनका परिणमन पांच प्रकार का होता है।११

१६. वण्णओ परिणया जे उ, पंचहा ते पकित्तिया।

किण्हा नीला य लोहिया, हालिद्दा सुक्किला तहा।।

वर्ण की अपेक्षा से उनकी परिणति पांच प्रकार की होती है—१. कृष्ण, २. नील, ३. रक्त, ४. पीत और ५. शुक्ल।

१७. गंधओ परिणया जे उ, दुविहा ते वियाहिया।

सुब्भिगंधपरिणामा, दुब्भिगंधा तहेव य।।

गन्ध की अपेक्षा से उनकी परिणति दो प्रकार की होती है—१. सुगन्ध और २. दुर्गन्ध।

१८. रसओ परिणया जे उ, पंचहा ते पकित्तिया।

तित्तकडुयकसाया, अंबिला महुरा तहा।।

रस की अपेक्षा से उनकी परिणति पांच प्रकार की होती है—१. तिक्त, २. कटु, ३. कसैला, ४. खट्टा और ५. मधुर।

१९. फासओ परिणया जे उ, अट्ठहा ते पकित्तिया।

कक्खडा मउया चेव, गरुया लहुया तहा।।

स्पर्श की अपेक्षा से उनकी परिणति आठ प्रकार की होती है—१. कर्कश, २. मृदु, ३. गुरु, ४. लघु, ५. शीत, ६. उष्ण ७. स्‍निग्ध और ८. रूक्ष।

२०. सीया उण्हा य निद्धा य, तहा लुक्खा य आहिया।

इइ फासपरिणया एए, पुग्गला समुदाहिया।।

२१. संठाणपरिणया जे उ, पंचहा ते पकित्तिया।

परिमंडला य वट्टा, तंसा चउरंसमायया।।

संस्थान की अपेक्षा से उनकी परिणति पांच प्रकार की होती है—१. परिमण्डल, २. वृत्त, ३. त्रिकोण, ४. चतुष्क और ५. आयत।।

२२. वण्णओ जे भवे किण्हे, भइए से उ गंधओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल वर्ण से कृष्ण है, वह गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य (अनेक विकल्प युक्त) होता है।

२३. वण्णओ जे भवे नीले, भइए से उ गंधओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल वर्ण से नील है, वह गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२४. वण्णओ लोहिए जे उ, भइए से उ गंधओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल वर्ण से रक्त है, वह गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२५. वण्णओ पीयए जे उ, भइए से उ गंधओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल वर्ण से पीत है, वह गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२६. वण्णओ सुक्किले जे उ, भइए से उ गंधओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल वर्ण से श्‍वेत है, वह गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२७. गंधओ जे भवे सुब्भी, भइए से उ वण्णओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल गंध से सुगन्ध वाला है, वह वर्ण, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२८. गंधओ जे भवे दुब्भी, भइए से उ वण्णओ।

रसओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल गन्ध से दुर्गन्ध वाला है, वह वर्ण, रस, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

२९. रसओ तित्तए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल रस से तिक्त है, वह वर्ण, गन्ध, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

३०. रसओ कडुए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल रस से कडुवा है, वह वर्ण, गन्ध, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

३१. रसओ कसाए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल रस से कसैला है, वह वर्ण, गन्ध, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

३२. रसओ अंबिले जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल रस से खट्टा है, वह वर्ण, गन्ध, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

३३. रसओ महुरए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ फासओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल रस से मधुर है, वह वर्ण, गन्ध, स्पर्श और संस्थान से भाज्य होता है।

३४. फासओ कक्खडे जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से कर्कश है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

३५. फासओ मउए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से मृदु है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

३६. फासओ गुरुए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से गुरु है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

३७. फासओ लहुए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से लघु है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

३८. फासओ सीयए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से शीत है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

३९. फासओ उण्हए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से उष्ण है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

४०. फासओ निद्धए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से स्‍निग्ध है, वह वर्ण, गन्ध, रस और संस्थान से भाज्य होता है।

४१. फासओ लुक्खए जे उ, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए संठाणओ वि य।।

जो पुद्गल स्पर्श से रूक्ष है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श संस्थान से भाज्य होता है।

४२. परिमंडलसंठाणे, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए फासओ वि य।।

जो पुद्गल संस्थान से परिमण्डल है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श से भाज्य होता है।

४३. संठाणओ भवे वट्टे, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए फासओ वि य।।

जो पुद्गल संस्थान से वृत्त है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श से भाज्य होता है।

४४. संठाणओ भवे तंसे, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए फासओ वि य।।

जो पुद्गल संस्थान से त्रिकोण है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श से भाज्य होता है।

४५. संठाणओ य चउरंसे, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए फासओ वि य।।

जो पुद्गल संस्थान से चतुष्कोण है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श से भाज्य होता है।

४६. जे आययसंठाणे, भइए से उ वण्णओ।

गंधओ रसओ चेव, भइए फासओ वि य।।

जो पुद्गल संस्थान से आयत है, वह वर्ण, गन्ध, रस और स्पर्श से भाज्य होता है।

४७. एसा अजीवविभत्तिं, समासेण वियाहिया।

इत्तो जीवविभत्तिं, वुच्छामि अणुपुव्वसो।।

यह अजीव-विभाग संक्षेप में कहा गया है। अब अनुक्रम से जीव-विभाग का निरूपण करूंगा।

४८. संसारत्था य सिद्धा य, दुविहा जीवा वियाहिया।

सिद्धा णेगविहा वुत्ता, तं मे कित्तयओ सुण।।

जीव दो प्रकार के होते हैं—(१) संसारी और (२) सिद्ध। सिद्ध अनेक प्रकार के होते हैं। मैं उनका निरूपण करता हूं, तुम मुझसे सुनो।

४९. इत्थी पुरिससिद्धा य, तहेव य नपुंसगा।

सलिंगे अन्नलिंगे य, गिहिलिंगे तहेव य।।

स्त्रीलिंग सिद्ध, पुरुषलिंग सिद्ध, नपुंसकलिंग सिद्ध, स्वलिंग सिद्ध, अन्यलिंग सिद्ध, गृहलिंग सिद्ध आदि अनेक प्रकार के सिद्ध होते हैं।

५०. उक्कोसोगाहणाए य, जहन्नमज्झिमाइ य।

उड्ढं अहे य तिरियं य, समुद्दम्मि जलम्मि य।।

उत्कृष्ट, जघन्य और मध्यम अवगाहना में और ऊंचे, नीचे और तिरछे लोक में तथा समुद्र व अन्य जलाशयों में भी जीव सिद्ध होते हैं।१२

५१. दस चेव नपुंसेसुं, वीसं इत्थियासु य।

पुरिसेसु य अट्ठसयं, समएणेगेण सिज्झई।।

दश नपुंसक, बीस स्त्रियां और एक सौ आठ पुरुष एक ही क्षण में सिद्ध हो सकते हैं।

५२. चत्तारि य गिहिलिंगे, अन्नलिंगे दसेव य।

सलिंगेण य अट्ठसयं, समएणेगेण सिज्झई।।

गृहस्थ वेश में चार, अन्यतीर्थिक वेश में दस और निर्ग्रन्थ वेश में एक सौ आठ जीव एक साथ सिद्ध हो सकते हैं।

५३. उक्कोसोगाहणाए य,सिज्झंते जुगवं दुवे।

चत्तारि जहन्नाए, जवमज्झट्ठुत्तरं सयं।।

उत्कृष्ट अवगाहना में दो, जघन्य अवगाहना में चार और मध्यम अवगाहना में एक सौ आठ जीव एक ही क्षण में सिद्ध हो सकते हैं।

५४. चउरुड्ढलोए य दुवे सुमद्दे, तओ जले वीसमहे तहेव।

सयं च अट्ठुत्तर तिरियलोए, समएणेगेण उ सिज्झई उ।।

ऊंचे लोक में चार, समुद्र में दो, अन्य जलाशयों में तीन, नीचे लोक में बीस, तिरछे लोक में एक सौ आठ जीव एक ही क्षण में सिद्ध हो सकते हैं।

५५. कहिं पडिहया सिद्धा?, कहिं सिद्धा पइट्ठिया?।

कहिं बोंदिं चइत्ताणं?, कत्थ गंतूण सिज्झई?।।

सिद्ध कहां रुकते है? कहां स्थित होते हैं? कहां शरीर को छोड़ते है? और कहां जाकर सिद्ध होते हैं?

५६. अलोए पडिहया सिद्धा, लोयग्गे य पइट्ठिया।

इहं बोंदिं चइत्ताणं, तत्थ गंतूण सिज्झई।।

सिद्ध अलोक से प्रतिहत होते हैं। लोक के अग्रभाग में स्थित होते हैं। मनुष्य लोक में शरीर की छोड़ते हैं और लोक के अग्रभाग में जाकर सिद्ध होते हैं।१३

५७. बारसहिं जोयणेहिं, सव्वट्ठस्सुवरिं भवे।

ईसीपब्भारनामा उ, पुढवी छत्तसंठिया।।

सर्वार्थसिद्ध विमान से बारह योजन ऊपर ईषत्- प्राग्भारा१४ नामक पृथ्वी है। वह छत्राकार में अवस्थित है।

५८. पणयालसयसहस्सा, जोयणाणं तु आयया।

तावइयं चेव वित्थिण्णा, तिगुणो तस्सेव परिरओ।।

उसकी लम्बाई और चौड़ाई पैंतालीस लाख योजन की है। उसकी परिधि उस (लम्बाई-चौड़ाई) से तिगुनी है।

५९. अट्ठजोयणबाहल्ला, सा मज्झम्मि वियाहिया।

परिहायंती चरिमंते, मच्छियपत्ता तणुयरी।।

मध्य भाग में उसकी मोटाई आठ योजन की है। वह क्रमश: पतली होती-होती अंतिम भाग में मक्खी की पांख से भी अधिक पतली हो जाती है।

६०. अज्जुणसुवण्णगमई, सा पुढवी निम्मला सहावेणं।

उत्ताणगछत्तगसंठिया य, भणिया जिणवरेहिं।।

वह श्‍वेत-स्वर्णमयी, स्वभाव से निर्मल और उत्तान (सीधे) छत्राकार वाली है—ऐसा जिनवर ने कहा है।

६१. संखंककुंदसंकासा, पंडुरा निम्मला सुहा।

सीयाए जोयणे तत्तो, लोयंतो उ वियाहिओ।।

वह शंख, अंक-रत्‍न और कुन्द पुष्प के समान श्‍वेत, निर्मल और शुद्ध है। उस सीता नाम की ईषत्-प्राग्भारा पृथ्वी से एक योजन ऊपर लोक का अन्त (अग्रभाग) है।

६२. जोयणस्स उ जो तस्स, कोसो उवरिमो भवे।

तस्स कोसस्स छब्भाए, सिद्धाणोगाहणा भवे।।

उस योजन के उपरिवर्ती कोस के छठे भाग में सिद्धों की अवगाहना (अवस्थिति) होती है।

६३. तत्थ सिद्धा महाभागा, लोयग्गम्मि पइट्ठिया।

भवप्पवंच उम्मुक्का, सिद्धिं वरगइं गया।।

भव-प्रपंच से उन्मुक्त और सर्वश्रेष्ठ गति (सिद्धि) को प्राप्त होने वाले अनन्त शक्तिशाली सिद्ध वहां लोक के अग्रभाग में स्थित होते हैं।

६४. उस्सेहो जस्स जो होइ, भवम्मि चरिमम्मि उ।

तिभागहीणा तत्तो य, सिद्धाणोगाहणा भवे।।

अन्तिम भव में जिसकी जितनी ऊंचाई होती है, उससे त्रिभागहीन (एक तिहाई कम) अवगाहना सिद्ध होने वाले की होती है।

६५. एगत्तेण साईया, अपज्जवसिया वि य।

पुहुत्तेण अणाईया, अपज्जवसिया वि य।।

एक-एक की अपेक्षा से सिद्ध सादि-अनन्त और पृथुता (बहुत्व) की अपेक्षा से अनादि-अनन्त है।

६६. अरूविणो जीवघणा, नाणदंसणसण्णिया।

अउलं सुहं संपत्ता, उवमा जस्स नत्थि उ।।

वे सिद्ध-जीव अरूप, सघन (एक-दूसरे से सटे हुए) और ज्ञान-दर्शन में सतत उपयुक्त होते हैं। उन्हें वैसा सुख प्राप्त होता है, जिसके लिए संसार में कोई उपमा नहीं है।

६७. लोएगदेसे ते सव्वे, नाणदंसणसण्णिया।

संसारपारनिच्छिन्ना, सिद्धिं वरगइं गया।।

ज्ञान और दर्शन में सतत उपयुक्त, संसार-समुद्र से निस्तीर्ण और सर्वश्रेष्ठ गति (सिद्धि) को प्राप्त होने वाले सब सिद्ध लोक के एक देश में अवस्थित हैं।

६८. संसारत्था उ जे जीवा, दुविहा ते वियाहिया।

तसा य थावरा चेव, थावरा तिविहा तहिं।।

संसारी जीव दो प्रकार के हैं—त्रस और स्थावर। स्थावर तीन प्रकार के हैं—

६९. पुढवी आउजीवा य, तहेव य वणस्सई।

इच्चेए थावरा तिविहा, तेसिं भेए सुणेह मे।।

पृथ्वी, जल और वनस्पति। ये स्थावर के तीन मूल भेद हैं। इनके उत्तर भेद मुझसे सुनो—

७०. दुविहा पुढवीजीवा उ, सुहुमा बायरा तहा।

पज्जत्तमपज्जत्ता, एवमेए दुहा पुणो।।

पृथ्वीकाय के जीव दो प्रकार के हैं—सूक्ष्म और बादर। इन दोनों के पर्याप्त और अपर्याप्त—ये दो-दो भेद होते हैं।

७१. बायरा जे उ पज्जत्ता, दुविहा ते वियाहिया।

सण्हा खरा य बोद्धव्वा, सण्हा सत्तविहा तहिं।।

बादर पर्याप्त पृथ्वीकायिक जीवों के दो भेद हैं—मृदु और कठोर। मृदु के सात भेद हैं:

७२. किण्हा नीला य रुहिरा य, हालिद्दा सुक्किला तहा।

पण्डुपणगमट्टिया, खरा छत्तीसईविहा।।

(१) कृष्ण, (२) नील, (३) रक्त, (४) पीत, (५) श्‍वेत, (६) पांडु (भूरीमिट्टी) और (७) पनक (अति सूक्ष्म रज)। कठोर पृथ्वी के छत्तीस प्रकार हैं:

७३. पुढवी य सक्करा वालुया य, उवले सिला य लोणूसे।

अयतंब-तउय-सीसग-रुप्पसुवण्णे य वइरे य।।

(१) शुद्धपृथ्वी, (२) शर्करा, (३) बालू, (४) उपल, (५) शिला, (६) लवण, (७) नौनी मिट्टी, (८) लोहा, (९) ताम्बा, (१०) रांगा, (११) शीशा, (१२) चांदी, (१३) सोना, (१४) वज्र,

७४. हरियाले हिंगुलुए, मणोसिला सासगंजणपवाले।

अब्भपडलब्भवालुय, बायरकाए मणिविहाणा।।

(१५) हरिताल, (१६) हिंगुल, (१७) मैनसिल, (१८) सस्यक, (१९) अंजन, (२०) प्रवाल, (२१) अभ्रपटल, (२२) अभ्रबालुक। मणियों के भेद जैसे—

७५. गोमेज्जए य रुयगे, अंके फलिहे य लोहियक्खे य।

मरगयमसारगल्ले, भुयमोयगइंदनीले य।।

(२३) गोमेदक, (२४) रुचक, (२५) अंक, (२६) स्फटिक और लोहिताक्ष, (२७) मरकत एवं मसारगल्ल, (२८) भुजमोचक, (२९) इन्द्रनील,

७६. चंदणगेरुयहंसगब्भ, पुलए सोगंधिए य बोद्धव्वे।

चंदप्पहवेरुलिए, जलकंते सूरकंते य।।

(३०) चन्दन, गेरुक एवं हंसगर्भ, (३१) पुलक, (३२) सौगन्धिक, (३३) चन्द्रप्रभ (३४) वैडूर्य, (३५) जलकान्त और (३६) सूर्यकान्त।

७७. एए खरपुढवीए, भेया छत्तीसमाहिया।

एगविहमणाणत्ता, सुहुमा तत्थ वियाहिया।।

कठोर पृथ्वी के ये छत्तीस प्रकार होते हैं। सूक्ष्म पृथ्वीकायिक जीव एक ही प्रकार के होते हैं। उनमें नानात्व नहीं होता।१५

७८. सुहुमा सव्वलोगम्मि, लोगदेसे य बायरा।

इत्तो कालविभागं तु, तेसिं वुच्छं चउव्विहं।।

सूक्ष्म पृथ्वीकायिक जीव समूचे लोक में और बादर पृथ्वीकायिक जीव लोक के एक भाग में व्याप्त हैं। इनके चुतर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

७९. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

८०. बावीससहस्साइं, वासाणुक्कोसिया भवे।

आउठिई पुढवीणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मूहुर्त्त और उत्कृष्टत: बाईस हजार वर्ष की है।

८१. असंखकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

कायठिई पुढवीणं, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति—निरन्तर उसी काय में जन्म लेते रहने की काल-मर्यादा—जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृटत: असंख्यातकाल की है।

८२. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, पुढवीजीवाण अंतरं।।

अनका अन्तर—पृथ्वीकाय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने का काल—जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।१६

८३. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

८४. दुविहा आउजीवा उ, सुहुमा बायरा तहा।

पज्जत्तमपज्जत्ता, एवमेए दुहा पुणो।।

अप्कायिक जीव दो प्रकार के हैं—सूक्ष्म और बादर। इन दोनों के पर्याप्त और अपर्याप्त ये दो-दो भेद होते हैं।

८५. बायरा जे उ पज्जत्ता, पंचहा ते पकित्तिया।

सुद्धोदए य उस्से, हरतणू महिया हिमे।।

बादर पर्याप्त अप्कायिक जीवों के पांच भेद होते हैं—(१) शुद्धोदक, (२) ओस, (३) हरतनु, (४) कुहासा और (५) हिम।१७

८६. एगविहमणाणत्ता, सुहुमा तत्थ वियाहिया।

सुहुमा सव्वलोगम्मि, लोगदेसे य बायरा।।

सूक्ष्म अप्कायिक जीव एक ही प्रकार के होते हैं, उनमें नानात्व नहीं होता। वे समुचे लोक में तथा बादर अप्कायिक जीव लोक के एक भाग में व्याप्त हैं।

८७. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

८८. सत्तेव सहस्साइं, वासाणुक्कोसिया भवे।

आउट्ठिई आऊणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयुस्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: सात हजार वर्ष की है।

८९. असंखकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।

कायट्ठिई आऊणं, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति—निरन्तर उसी काय में जन्म लेते रहने की काल-मर्यादा जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: असंख्यातकाल की है।

९०. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, आऊजीवाण अंतरं।।

उनका अन्तर—अप्काय को छोड़ कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्तकाल का है।

९१. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

९२. दुविहा वणस्सईजीवा, सुहुमा बायरा तहा।।

पज्जत्तमपज्जत्ता, एवमेए दुहा पुणो।।

वनस्पतिकायिक जीव दो प्रकार के हैं—सूक्ष्म और बादर। इन दोनों में पर्याप्त और अपर्याप्त ये दो-दो भेद होते हैं।

९३. बायरा जे उ पज्जत्ता, दुविहा ते वियाहिया।

साहारणसरीरा य, पत्तेगा य तहेव य।।

बादर पर्याप्त वनस्पतिकायिक जीवों के दो भेद हैं—(१) साधारण-शरीर और (२) प्रत्येक-शरीर।

९४. पत्तेगसरीरा उ, णेगहा ते पकित्तिया।

रुक्खा गुच्छा य गुम्मा य, लया वल्ली तणा तहा।।

प्रत्येक-शरीर वनस्पतिकायिक जीवों के अनेक प्रकार हैं—वृक्ष, गुच्छ, गुल्म, लता, वल्ली और तृण।

९५. लयावलय पव्वगा कुहुणा, जलरुहा ओसहीतिणा।

हरियकाया य बोद्धव्वा, पत्तेया इति आहिया।।

लता-वलय (नारियल आदि), पर्वज (ईख आदि), कुहण (भूंफोड़ आदि), जलरुह (कमल आदि), औषधि-तृण (अनाज) और हरित-काय—ये सब प्रत्येक शरीर हैं।

९६. साहारणसरीरा उ, णेगहा ते पकित्तिया।

आलुए मूलए चेव, सिंगबेरे तहेव य।।

साधारण-शरीर वनस्पतिकायिक जीवों के अनेक प्रकार हैं—आलू, मूली, अदरक,

९७. हिरिली सिरिली सिस्सिरिली, जावई केदकंदली।

पलंदूलसणकंदे य, कंदली य कुडुंबए।।

हिरलीकन्द, सिरिलीकन्द, सिस्सिरिलीकन्द, जावईकन्द, केद-कंदलीकन्द, प्याज, लहसून, कन्दली, कुस्तुम्बक,

९८. लोहि णीहू य थिहू य,कुहगा य तहेव य।

कण्हे य वज्जकंदे य, कंदे सूरणए तहा।।

लोही, स्‍निहु, स्तिभु, कुहक, कृष्ण, वज्रकन्द, सुरणकन्द,

९९. अस्सकण्णी य बोद्धव्वा, सीहकण्णी तहेव य।

मुसुंढी य हलिद्दा य, णेगहा एवमायओ।।

अश्‍वकर्णी, सिंहकर्णी, मुसंढी और हरिद्रा आदि। ये सब साधारण शरीर है।१८

१००. एगविहमणाणत्ता, सुहुमा तत्थ वियाहिया।

सुहुमा सव्वलोगम्मि, लोगदेसे य बायरा।।

सूक्ष्म वनस्पतिकायिक जीव एक ही प्रकार के होते हैं, उनमें नानात्व नहीं होता। वे समूचे लोक में तथा बादर वनस्पतिकायिक जीव लोक के एक भाग में व्याप्त हैं।

१०१. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त है।

१०२. दस चेव सहस्साइं, वासाणुक्कोसिया भवे।

वणप्फईण आउं तु, अंतोमुहुत्तं जहन्नगं।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: दस हजार वर्ष की है।

१०३. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

कायठिई पणगाणं, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त काल की है।

१०४. असंखकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, पणगजीवाण अंतरं।।

उनका अन्तर—वनस्पतिकायिक को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहू़र्त्त और उत्कृष्टत: असंख्यात काल का है।

१०५. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१०६. इच्चेए थावरा तिविहा, समासेण वियाहिया।

इत्तो उ तसे तिविहे, वुच्छामि अणुपुव्वसो।।

यह तीन प्रकार के स्थावर जीवों का संक्षिप्त वर्णन है। अब तीन प्रकार के त्रस जीवों का क्रमश: निरूपण करूंगा।

१०७. तेऊ वाऊ य बोद्धव्वा, उराला य तसा तहा।

इच्चेए तसा तिविहा तेसिं भेए सुणेह मे।।

तेजस्काय, वायकाय और उदार त्रसकाय—ये तीन भेद त्रसकाय के हैं। अब इनके भेदों को मुझसे सुनो।

१०८. दुविहा तेउजीवा उ, सुहुमा बायरा तहा।

पज्जत्तमपज्जत्ता, एवमेए दुहा पुणो।।

तेजस्कायिक जीवों के दो प्रकार हैं—सूक्ष्म और बादर। उन दोनों के पर्याप्त और अपर्याप्त—ये दो-दो भेद होते हैं।

१०९. बायरा जे उ पज्जत्ता, णेगहा ते वियाहिया।

इंगाले मुम्मुरे अगणी, अच्चिं जाला तहेव य।।

बादर पर्याप्त तेजस्कायिक जीवों के अनेक भेद हैं—अंगार, मुर्मुर, अग्‍नि, अर्चि, ज्वाला,

११०. उक्का विज्जू य बोद्धव्वा, णेगहा एवमायओ।

एगविहमणाणत्ता, सुहुमा ते वियाहिया।।

उल्का, विद्युत् आदि। सूक्ष्म तेजस्कायिक जीव एक ही प्रकार के होते हैं। उनमें नानात्व नहीं होता।१९

१११. सुहुमा सव्वलोगम्मि, लोगदेसे य बायरा।

इत्तो कालविभागं तु, तेसिं वुच्छं चउव्विहं।।

वे (सूक्ष्म तेजस्कायिक जीव) समूचे लोक में और बादर तेजस्कायिक जीव लोक के एक भाग में व्याप्त है। अब मैं उनके चुतर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

११२. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

११३. तिण्णेव अहोरत्ता, उक्कोसेण वियाहिया।

आउट्ठिई तेऊणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: तीन दिन-रात की है।

११४. असंखकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

कायट्ठिई तेऊणं, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: असंख्यात काल की है।

११५. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, तेउजीवाण अंतरं।।

उनका अन्तर—तेजस्काय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त काल का है।

११६. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद हैं।

११७. दुविहा वाउजीवा उ, सुहुमा बायरा तहा।

पज्जत्तमपज्जत्ता, एवमेए दुहा पुणो।।

वायुकायिक जीवों के दो प्रकार हैं—सूक्ष्म और बादर। उन दोनों के पर्याप्त और अपर्याप्त—ये दो-दो भेद होते हैं।

११८. बायरा जे उ पज्जत्ता, पंचहा ते पकित्तिया।

उक्कलियामंडलिया—घणगुंजा सुद्धवाया य।।

बादर पर्याप्त वायुकायिक जीवों के पांच भेद होते हैं—(१) उत्कालिका, (२) मण्डलिका, (३) घनवात, (४) गुंजावात और (५) शुद्धवात।

११९. संवट्टगवाते य, णेगविहा एवमायओ।

एगविहमणाणत्ता, सुहुमा ते वियाहिया।।

उनके संवतर्क-वात आदि और भी अनेक प्रकार हैं। सूक्ष्म वायुकायिक जीव एक ही प्रकार के होते हैं, उनमें नानात्व नहीं होता।२०

१२०. सुहुमा सव्वलोगम्मि, लोगदेसे य बायरा।

इत्तो कालविभागं तु, तेसिं वुच्छं चउव्विहं।।

वे (सूक्ष्म-वायुकायिक जीव) समूचे लोक में और बादर वायुकायिक जीव लोक के एक भाग में व्याप्त हैं। अब मैं उनके चुतर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

१२१. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त हैं और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१२२. तिण्णेव सहस्साइं, वासाणुक्कोसिया भवे।

आउट्ठिई वाऊणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: तीन हजार वर्षों की है।

१२३. असंखकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

कायट्ठिई वाऊणं, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: असंख्यात काल की है।

१२४. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, वाउजीवाण अंतरं।।

उनका अन्तर—वायुकाय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त काल का है।

१२५. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१२६. ओराला तसा जे उ, चउहा ते पकित्तिया।

बेइंदियतेइंदिय, चउरोपंचिंदिया चेव।।

स्थूल त्रस-कायिक जीव चार प्रकार के हैं—(१) द्वीन्द्रिय, (२) त्रीन्द्रिय, (३) चतुरिन्द्रिय और (४) पंचेन्द्रिय।

१२७. बेइंदिया उ जे जीवा, दुविहा ते पकित्तिया।

पज्जत्तमपज्जत्ता, तेसिं भेए सुणेह मे।।

द्वीन्द्रिय जीव दो प्रकार के हैं—पर्याप्त और अपर्याप्त। उनके भेद तुम मुझसे सुनो।

१२८. किमिणो सोमंगला चेव, अलसा माइवाहया।

वासीमुहा य सिप्पीया, संखा संखणगा तहा।।

कृमि, सौमंगल, अलस, मातृवाहक, वासीमुख, सीप, शंख, शंखनक,

१२९. पल्लोयाणुल्लया चेव, तहेव य वराडगा।

जलूगा जालगा चेव, चंदणा य तहेव य।।

पल्लोय, अणुल्लक, कोडी, जौंक, जालक, चन्दनिया

१३०. इह बेइंदिया एए, णेगहा एवमायओ।

लोगेगदेसे ते सव्वे, न सव्वत्थ वियाहिया।।

आदि अनेक प्रकार के द्वीन्द्रिय जीव हैं। वे लोक के एक भाग में ही प्राप्य होते हैं, समूचे लोक में नहीं।

१३१. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१३२. वासाइं बारसे व उ, उक्कोसेण वियाहिया।

बेइंदियआउट्ठिई, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: बारह वर्ष की है।

१३३. संखिज्जकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

बेइंदियकायट्ठिई, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: संख्यात काल की है।

१३४. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

बेइंदियजीवाणं, अंतरेयं वियाहियं।।

उनका अन्तर जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१३५. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१३६. तेइंदिया उ जे जीवा, दुविहा ते पकित्तिया।

पज्जत्तमपज्जत्ता, तेसिं भेए सुणेह मे।।

त्रीन्द्रिय जीव दो प्रकार के हैं—पर्याप्त और अपर्याप्त। उनके भेद तुम मुझसे सुनो।

१३७. कुंथुपिवीलिउड्डंसा, उक्कलुद्देहिया तहा।

तणहारकट्ठहारा, मालुगा पत्तहारगा।।

कुंथु, चींटी, खटमल, मकड़ी, दीमक, तृणहारक, काष्ठहारक (घुन) मालुक, पत्राहारक,

१३८. कप्पासट्ठिमिंजा य, तिंदुगा तउसमिंजगा।

सदावरी य गुम्मी य, बोद्धव्वा इंदकाइया।।

कर्प्पासास्थि-मिंजक, तिन्दुक, त्रपुष-मिंजक, शतावरी कानखजूरी, इन्द्रकायिक,

१३९. इंदगोवगमाईया, णेगहा एवमायओ।

लोएगदेसे से सव्वे, न सव्वत्थ वियाहिया।।

इन्द्रगोपक आदि अनेक प्रकार के त्रीन्द्रिय जीव हैं। वे लोक के एक भाग में ही प्राप्त होते हैं, समूचे लोक में नहीं।

१४०. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१४१. एगूणपण्णहोरत्ता, उक्कोसेण वियाहिया।

तेइंदियआउठिई, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: उनपचास दिनों की है।

१४२. संखिज्जकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

तेइंदियकायठिई, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: संख्यात काल की है।

१४३. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

तेइंदियजीवाणं, अंतरेयं वियाहियं।।

उनकी अन्तर जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्तकाल का है।

१४४. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१४५. चउरिंदिया उ जे जीवा, दुविहा ते पकित्तिया।

पज्जत्तमपज्जत्ता, तेसिं भेए सुणेह मे।।

चतुरिन्द्रिय जीव दो प्रकार के होते हैं—पर्याप्त और अपर्याप्त। उनके भेद तुम मुझसे सुनो।

१४६. अंधिया पोत्तिया चेव, मच्छिया मसगा तहा।

भमरे कीडपयंगे य, ढिंकुणे कुंकुणे तहा।।

अन्धिका, पोत्तिका, मक्षिका, मच्छर, भ्रमर, कीट, पतंग, ढिंकुण, कुंकण,

१४७. कुक्कुडे सिंगिरीडी य, नंदावत्ते य विंछिए।

डोले भिंगारी य, विरली अच्छिवेहए।।

कुक्कुड़, श्रृंगिरीटी, नन्दावर्त, बिच्छु, डोल, भृंगरीटक, विरली, अक्षिवेधक,

१४८. अच्छिले माहए, अच्छिरोडए विचित्ते चित्तपत्तए।

ओहिंजलिया जलकारी य, नीया तंतवगाविय।।

अक्षिल, मागध, अक्षिरोडक, विचित्र-पत्रक, चित्र-पत्रक, ओहिंजलिया, जलकारी, नीचक, तन्तवक—

१४९. इइ चउरिंदिया एए, णेगहा एवमायओ।

लोगस्स एग देसम्मि, ते सव्वे परिकित्तिया।।

आदि अनेक प्रकार के चतुरिन्द्रिय जीव हैं।२१ वे लोक के एक भाग में ही प्राप्त होते हैं, समूचे लोक में नहीं।

१५०. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त है।

१५१. छच्चेव य मासा उ, उक्कोसेण वियाहिया।

चउरिंदियआउठिई, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: छह मास की है।

१५२. संखिज्जकालमुक्कोसं, अतोमुहुत्तं जहन्नयं।

चउरिंदियकायठिई, तं कायं तु अमुंचओ।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: संख्यात काल की है।

१५३. अणंतकालुमक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, अंतरेयं वियाहियं।।

उनका अन्तर चतुरिन्द्रिय के काय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१५४. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१५५. पंचिंदिया उ जे जीवा, चउव्विहा ते वियाहिया।

नेरइयतिरिक्खा य, मणुया देवा य आहिया।।

पंचेन्द्रिय जीव चार प्रकार के हैं—(१) नैरयिक, (२) तिर्यञ्च, (३) मनुष्य और (४) देव।

१५६. नेरइया सत्तविहा, पुढवीसु सत्तसू भवे।

रयणाभ सक्कराभा, वालुयाभा य आहिया।।

नैरयिक जीव सात प्रकार के हैं वे सात पृथ्वियों में उत्पन्न होते हैं। वे सात पृथ्वियां ये हैं—(१) रत्‍नाभा, (२) शर्कराभा, (३) वालुकाभा,

१५७. पंकाभा धूमाभा, तमा तमतमा तहा।

इइ नेरइया एए, सत्तहा परिकित्तिया।।

(४) पंकाभा, (६) धूमाभा, (७) तमा और (७) तमस्तमा। इन सात पृथ्वियों में उत्पन्न होने के कारण ही नैरयिक सात प्रकार के हैं।

१५८. लोगस्स एगदेसम्मि, ते सव्वे उ वियाहिया।

एत्तो कालविभागं तु, वुच्छं तेसिं चउव्विहं।।

वे लोक के एक भाग में हैं। अब मैं उनके चतुर्विध काल विभाग का निरूपण करूंगा।

१५९. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त है।

१६०. सागरोवममेगं तु, उक्कोसेण वियाहिया।

पढमाए जहन्नेणं, दसवाससहस्सिया।।

पहली पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: दस हजार वर्ष और उत्कृष्टत: एक सागरोपम की है।

१६१. तिण्णेव सागरा ऊ, उक्कोसेण वियाहिया।

दोच्चाए जहन्नेणं, एगं तु सागरोवमं।।

दूसरी पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: एक सागरोपम और उत्कृष्टत: तीन सागरोपम की है।

१६२. सत्तेव सागरा उ, उक्कोसेण वियाहिया।

तइयाए जहन्नेणं, तिण्णेव उ सागरोवमा।।

तीसरी पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: तीन सागरोपम और उत्कृष्टत: सात सागरोपम की है।

१६३. दस सागरोवमा ऊ, उक्कोसेण वियाहिया।

चउत्थीए जहन्नेणं, सत्तेव उ सागरोवमा।।

चौथी पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: सात सागरोपम और उत्कृष्टत: दस सागरोपम की है।

१६४. सत्तरस सागरा ऊ, उक्कोसेण वियाहिया।

पंचमाए जहन्नेणं, दस चेव उ सागरोवमा।।

पांचवीं पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: दस सागरोपम और उत्कृष्टत: सतरह सागरोपम की है।

१६५. बावीस सागरा ऊ, उक्कोसेण वियाहिया।

छट्ठीए जहन्नेणं, सत्तरस सागरोवमा।।

छठी पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: सतरह सागरोपम और उत्कृष्टत: बाईस सागरोपम की है।

१६६. तेत्तीस सागरा ऊ, उक्कोसेण वियाहिया।

सत्तमाए जहन्नेणं, बावीसं सागरोवमा।।

सातवीं पृथ्वी में नैरयिकों की आयु-स्थिति जघन्यत: बाईस सागरोपम और उत्कृष्टत: तेतीस सागरोपम की है।

१६७. जा चेव उ आउठिई, नेरइयाणं वियाहिया।

सा तेसिं कायठिई, जहन्नुक्कोसिया भवे।।

नैरयिक जीवों की जो आयु-स्थिति है, वही उनकी जघन्यत: या उत्कृष्टत: कायस्थिति है।

१६८. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, नेरइयाणं तु अंतरं।।

उनका अन्तर—नैरयिक के काय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१६९. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१७०. पंचिंदियतिरिक्खाओ, दुविहा ते वियाहिया।

सम्मुच्छिमतिरिक्खाओ, गब्भवक्कंतिया तहा।।

पंचेन्द्रिय-तिर्यञ्च जीव दो प्रकार के हैं—(१) सम्मूर्च्छिम-तिर्यञ्च और (२) गर्भ-उत्पन्न- तिर्यञ्च।

१७१. दुविहावि ते भवे तिविहा, जलयरा थलयरा तहा।

खहयरा य बोद्धव्वा, तेसिं भेए सुणेह मे।।

ये दोनों ही जलचर, थलचर और खेचर के भेद से तीन-तीन प्रकार के हैं। उनके भेद तुम मुझसे सुनो।

१७२. मच्छा य कच्छभा य, गाहा य मगरा तहा।

सुंसुमारा य बोद्धव्वा, पंचहा जलयराहिया।।

जलचर जीव पांच प्रकार हैं—(१) मत्स्य, (२) कच्छप, (३) ग्राह, (४) मकर और (५) सुंसुमार।

१७३. लोएगदेसे ते सव्वे, न सव्वत्थ वियाहिया।

एत्तो कालविभागं तु, वुच्छं तेसिं चउव्विहं।।

वे लोक के एक भाग में ही होते हैं, समूचे लोक में नहीं। अब मैं उनके चुतर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

१७४. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१७५. एगा य पुव्वकोडीओ, उक्कोसेण वियाहिया।

आउट्ठिई जलयराणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: एक करोड़ पूर्व की है।

१७६. पुव्वकोडीपुहत्तं तु, उक्कोसेण वियाहिया।

कायट्ठिई जलयराणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी काय-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: दो से नौ करोड़ पूर्व की है।

१७७. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, जलयराणं तु अंतरं।।

उनका अन्तर—जलचर के काय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१७८. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१७९. चउप्पया य परिसप्पा, दुविहा थलयरा भवे।

चउप्पया चउविहा, ते मे कित्तयओ सुण।।

स्थलचर जीव दो प्रकार के हैं—(१) चतुष्पद और (२) परिसर्प। चतुष्पद चार प्रकार के हैं। वे तुम मुझसे सुनो।।

१८०. एगखुरा दुखुरा चेव, गंडीपयसणप्पया।

हयमाइगोणमाइ- गयमाइसीहमाइणो।।

(१) एक खुर—घोड़े आदि, (२) दो खुर—बैल आदि, (३) गंडीपद—हाथी आदि। (४) सनखपद— सिंह आदि।

१८१. भुओरगपरिसप्पा य, परिसप्पा दुविहा भवे।

गोहाई अहिमाई य, एक्केक्का णेगहा भवे।।

परिसर्प के दो प्रकार हैं—(१) भुजपरिसर्प—हाथों के बल चलने वाले गोह आदि, (२) उर:परिसर्प— पेट के बल चलने वाले सांप आदि। ये दोनों अनेक प्रकार के होते हैं।

१८२. लोएगदेसे ते सव्वे, न सव्वत्थ वियाहिया।

एत्तो कालविभागं तु, वुच्छं तेसिं चउव्विहं।।

वे लोक के एक भाग में होते हैं, समूचे लोक में नहीं। अब मैं उनके चतुर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

१८३. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

१८४. पलिओवमाउ तिण्णि उ, उक्कोसेण वियाहिया।

आउट्ठिई थलयराणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: तीन पल्योपम की है।

१८५. पलिओवमाउ तिण्णि उ, उक्कोसेण तु साहिया।

पुव्वकोडीपुहत्तेणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

जघन्यत: अन्तर्मुहू़र्त्त और उत्कृष्टत: पृथक्त्व करोड़ पूर्व अधिक तीन पल्योपम—

१८६. कायट्ठिई थलयराणं, अंतरं तेसिमं भवे।

कालमणंतमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।।

स्थलचर जीवों की काय-स्थिति है। उनका अन्तर काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१८७. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१८८. चम्मे उ लोमपक्खी य, तइया समुग्गपक्खिया।

विययपक्खी य बोद्धव्वा, पक्खिणो य चउव्विहा।।

खेचर जीव चार प्रकार के हैं—(१) चर्म-पक्षी, (२) रोमपक्षी, (३) समुद्गपक्षी और (४) विततपक्षी।

१८९. लोगेगदेसे ते सव्वे, न सव्वत्थ वियाहिया।

इत्तो कालविभागं तु, वुच्छं तेसिं चउव्विहं।।

वे लोक के एक भाग में होते हैं, समूचे लोक में नहीं। अब मैं उनके चतुर्विध काल-विभाग का निरूपण करूंगा।

१९०. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त है।

१९१. पलिओवमस्स भागो, असंखेज्जइमो भवे।

आउट्ठिई खहयराणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: पल्योपम के असंख्यातवें भाग की है।

१९२. असंखभागो पलियस्स, उक्कोसेण उ साहिओ।

पुव्वकोडीपुहत्तेणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

जघन्यत: अन्तर्मुहू़र्त्त और उत्कृष्टत: पृथक्त्व करोड़ पूर्व अधिक पल्योपम का असंख्यातवां भाग—

१९३. कायठिई खहयराणं, अंतरं तेसिमं भवे।

कालं अणंतमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।।

ये खेचर जीवों की काय-स्थिति है। उनका अन्तर जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

१९४. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

१९५. मणुया दुविहभेया उ, ते मे कित्तयओ सुण।

संमुच्छिमा य मणुया, गब्भवक्कंतिया तहा।।

मनुष्य दो प्रकार के हैं—(१) सम्मूर्च्छिम२२ और (२) गर्भ-उत्पन्न।

१९६. गब्भवक्कंतिया जे उ, तिविहा ते वियाहिया।

अकम्मकम्मभूमा य, अंतरद्दीवया तहा।।

गर्भ-उत्पन्न मनुष्य तीन प्रकार के हैं२३—(१) अकर्म- भूमिक, (२) कर्म-भूमिक और (३) अन्तर्द्वीपक।

१९७. पन्नरस तीसइ विहा, भेया अट्ठवीसइं।

संखा उ कमसो तेसिं, इइ एसा वियाहिया।।

कर्म-भूमिक मनुष्यों के पन्द्रह, अकर्म-भूमिक मनुष्यों के तीस तथा अन्तर्द्वीपक मनुष्यों के अट्ठाईस भेद होते हैं।

१९८. संमुच्छिमाण एसेव, भेओ होइ आहिओ।

लोगस्स एगदेसम्मि, ते सव्वे वि वियाहिया।।

सम्मूर्च्छिम मनुष्यों के भी उतने ही भेद हैं जितने गर्भ-उत्पन्न मनुष्यों के हैं। वे लोक के एक भाग में ही होते हैं।

१९९. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

२००. पलिओवमाइं तिण्णि उ, उक्कोसेण वियाहिया।

आउट्ठिई मणुयाणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

उनकी आयु-स्थिति जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: तीन पल्योपम की है।

२०१. पलिओवमाइं तिण्णि उ, उक्कोसेण वियाहिया।

पुव्वकोडीपुहत्तेणं, अंतोमुहुत्तं जहन्निया।।

जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: पृथक्त्व करोड़ पूर्व अधिक तीन पल्योपम—

२०२. कायट्ठिई मणुयाणं, अंतरं तेसिमं भवे।

अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।।

यह मनुष्यों की काय-स्थिति है। उनका अन्तर जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त-काल का है।

२०३. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्ससो।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

२०४. देवा चउव्विहा वुत्ता, ते मे कित्तयओ सुण।

भोमिज्जवाणमंतर- जोइसवेमाणिया तहा।।

देव चार प्रकार के हैं—(१) भवन-वासी, (२) वाणव्यन्तर, (३) ज्योतिष्क और (४) वैमानिक।

२०५. दसहा उ भवणवासी, अट्ठहा वणचारिणो।

पंचविहा जोइसिया, दुविहा वेमाणिया तहा।।

भवनवासी देव दस प्रकार के हैं। व्यन्तर आठ प्रकार के हैं।२४ ज्योतिषक पांच प्रकार के हैं। वैमानिक दो प्रकार के हैं।

२०६. असुरा नागसुवण्णा, विज्जू अग्गी य आहिया।

दीवोदहिदिसा वाया, थणिया भवणवासिणो।।

(१) असुरकुमार, (२) नागकुमार, (३) सुपर्णकुमार, (४) विद्युत्कुमार, (५) अग्‍निकुमार, (६) द्वीपकुमार, (७) उदधिकुमार, (८) दिक्कुमार, (९) वायुकुमार, (१०) स्तनितकुमार—ये भवनवासी देवों के दस प्रकार हैं।

२०७. पिसायभूय जक्खा य, रक्खसा किन्नरा य किंपुरिसा।

महोरगा य गंधव्वा, अट्ठविहा वाणमंतरा।।

(१) पिशाच, (२) भूत, (३) यक्ष, (४) राक्षस, (५) किन्नर, (६) किंपुरुष, (७) महोरग और (८) गन्धर्व—ये व्यंतर देवों के आठ प्रकार हैं।

२०८. चंदा सूरा य नक्खत्ता, गहा तारागणा तहा।

दिसाविचारिणो चेव, पंचहा जोइसालया।।

(१) चन्द्र, (२) सूर्य, (३) नक्षत्र, (४) ग्रह और (५) तारा—ये पांच भेद ज्योतिष्क देवों के हैं। ये दिशाविचारी—मेरु की प्रदक्षिणा करते हुए विचरण करने वाले हैं।

२०९. वेमाणिया उ जे देवा, दुविहा ते वियाहिया।

कप्पोवगा य बोद्धव्वा, कप्पाईया तहेव य।।

वैमानिक देवों के दो प्रकार हैं—(१) कल्पोपग और (२) कल्पातीत।

२१०. कप्पोवगा बारसहा, सोहम्मीसाणगा तहा।

सणंकुमारमाहिंदा, बंभलोगा य लंतगा।।

कल्पोपग बारह प्रकार के हैं—(१) सौधर्म, (२) ईशानक, (३) सनत्कुमार, (४) माहेन्द्र, (५) ब्रह्मलोक, (६) लान्तक,

२११. महासुक्का सहस्सारा, आणया पाणया तहा।

आरणा अच्चुया चेव, इइ कप्पोवगा सुरा।।

(७) महाशुक्र, (८) सहस्रार, (९) आनत, (१०) प्राणत, (११) आरण और (१२) अच्युत—ये कल्पोपग देव हैं।

२१२. कप्पाईया उ जे देवा, दुविहा ते वियाहिया।

गेविज्जाणुत्तरा चेव, गेविज्जा नवविहा तहिं।।

कल्पातीत देवों ये दो प्रकार हैं—(१) ग्रैवेयक और (२) अनुत्तर। ग्रैवेयकों के निम्‍नोक्त नौ प्रकार हैं:

२१३. हेट्ठिमाहेट्ठिमा चेव, हेट्ठिमामज्झिमा तहा

हेट्ठिमाउवरिमा चेव, मज्झिमाहेट्ठिमा तहा।।

(१) अध:-अधस्तन, (२) अध:-मध्यम, (३) अध:- उपरितन, (४) मध्य-अधस्तन,

२१४. मज्झिमामज्झिमा चेव, मज्झिमाउवरिमा तहा।

उवरिमाहेट्ठिमा चेव, उवरिमामज्झिमा तहा।।

(१) मध्य-मध्यम, (२) मध्य-उपरितन, (३) उपरि- अधिस्तन, (८) उपरि-मध्यम,

२१५. उवरिमाउवरिमा चेव, इय गेविज्जगा सुरा।

विजया वेजयंता य, जयंता अपराजिया।।

और (९) उपरि-उपरितन—ये ग्रैवेयक देव हैं। (१) विजय, (२) वैजयन्त, (३) जयन्त, (४) अपराजित

२१६. सव्वट्ठसिद्धगा चेव, पंचहाणुत्तरा सुरा।

इइ वेमाणिया देवा, णेगहा एवमायओ।।

और (५) सर्वार्थसिद्धक—ये अनुत्तर देवों के पांच प्रकार हैं। इस प्रकार वैमानिक देवों के अनेक प्रकार हैं।

२१७. लोगस्स एगदेसम्मि, ते सव्वे परिकित्तिया।

इत्तो कालविभागं तु, वुच्छं तेसिं चउव्विहं।।

वे सब लोक के एक भाग में रहते हैं। अब मैं उनके चतुर्विध काल विभाग का निरूपण करूंगा।

२१८. संतइं पप्पणाईया, अपज्जवसिया वि य।

ठिइं पडुच्च साईया, सपज्जवसिया वि य।।

प्रवाह की अपेक्षा से वे अनादि-अनन्त और स्थिति की अपेक्षा से सादि-सान्त हैं।

२१९. साहियं सागरं एक्कं, उक्कोसेण ठिई भवे।

भोमेज्जाणं जहन्नेणं, दसवाससहस्सिया।।

भवनवासी देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: दस हजार वर्ष और उत्कृष्टत: किंचित् अधिक एक सागरोपम की है।

२२०. पलिओवममेगं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

वंतराणं जहन्नेणं दसवाससहस्सिया।।

व्यन्तर देवों की आयु:स्थिति जघन्यत: दस हजार वर्ष और उत्कृष्टत: एक पल्योपम की है।

२२१. पलिओवमं एगं तु, वासलक्खेण साहियं।

पलिओवमट्ठभागो, जोइसेसु जहन्निया।।

ज्योतिष्क देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: पल्योपम के आठवें भाग और उत्कृष्टत: एक लाख वर्ष अधिक एक पल्योपम की है।

२२२. दो चेव सागराइं, उक्कोसेण वियाहिया।

सोहम्मंमि जहन्नेणं, एगं च पलिओवमं।।

सौधर्म देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: एक पल्योपम और उत्कृष्टत: दो सागरोपम की है।

२२३. सागरा साहिया दुन्नि, उक्कोसेण वियाहिया।

ईसाणम्मि जहन्नेणं, साहियं पलिओवमं।।

ईशान देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: किंचित् अधिक एक पल्योपम और उत्कृष्टत: किंचित् अधिक दो सागरोपम की है।

२२४. सागराणि य सत्तेव, उक्कोसेण ठिई भवे।

सणंकुमारे जहन्नेणं, दुन्नि ऊ सागरोवमा।।

सनत्कुमार देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: दो सागरोपम और उत्कृष्टत: सात सागरोपम की है।

२२५. साहिया सागरा सत्त, उक्कोसेण ठिई भवे।

माहिंदम्मि जहन्नेणं, साहिया दुन्नि सागरा।।

माहेन्द्रकुमार देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: किंचित् अधिक दो सागरोपम और उत्कृष्टत: किंचित् अधिक सात सागरोपम की है।

२२६. दस चेव सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

बंभलोए जहन्नेणं, सत्त ऊ सागरोवमा।।

ब्रह्मलोक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: सात सागरोपम और उत्कृष्टत: दस सागरोपम की है।

२२७. चउद्दस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

लंतगम्मि जहन्नेणं दस ऊ सागरोवमा।।

लान्तक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: दस सागरोपम और उत्कृष्टत: चौदह सागरोपम की है।

२२८. सत्तरस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

महासुक्के जहन्नेणं, चउद्दस सागरोवमा।।

महाशुक्र देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: चौदह सागरोपम और उत्कृष्टत: सतरह सागरोपम की है।

२२९. अट्ठारस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

सहस्सारे जहन्नेणं, सत्तरस सागरोवमा।।

सहस्रार देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: सतरह सागरोपम और उत्कृष्टत: अठारह सागरोपम की है।

२३०. सागरा अउणवीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

आणयम्मि जहन्नेणं, अट्ठारस सागरोवमा।।

आनत देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: अठारह सागरोपम और उत्कृष्टत: उन्नीस सागरोपम की है।

२३१. वीसं तु सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

पाणयम्मि जहन्नेणं, सागरा अउणवीसई।।

प्राणत देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: उन्नीस सागरोपम और उत्कृष्टत: बीस सागरोपम की है।

२३२. सागरा इक्कवीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

आरणम्मि जहन्नेणं, वीसई सागरोवमा।।

आरण देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: बीस सागरोपम और उत्कृष्टत: इक्कीस सागरोपम की है।

२३३. बावीसं सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

अच्चुयम्मि जहन्नेणं, सागरा इक्कवीसई।।

अच्युत देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: इक्कीस सागरोपम और उत्कृष्टत: बाईस सागरोपम की है।

२३४. तेवीस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

पढमम्मि जहन्नेणं, बावीसं सागरोवमा।।

प्रथम ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: बाईस सागरोपम और उत्कृष्टत: तेईस सागरोपम की है।

२३५. चउवीस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

बिइयम्मि जहन्नेणं, तेवीसं सागरोवमा।।

द्वितीये ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: तेईस सागरोपम और उत्कृष्टत: चौबीस सागरोपम की है।

२३६. पणवीस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

तइयम्मि जहन्नेणं, चउवीसं सागरोवमा।।

तृतीय ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: चौबीस सागरोपम और उत्कृष्टत: पच्चीस सागरोपम की है।

२३७. छव्वीस सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

चउत्थम्मि जहन्नेणं, सागरा पणुवीसई।।

चतुर्थ ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: पच्चीस सागरोपम और उत्कृष्टत: छब्बीस सागरोपम की है।

२३८. सागरा सत्तवीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

पंचमम्मि जहन्नेणं, सागरा उ छवीसई।।

पंचम ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: छब्बीस सागरोपम और उत्कृष्टत: सत्ताईस सागरोपम की है।

२३९. सागरा अट्ठवीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

छट्ठम्मि जहन्नेणं, सागरा सत्तवीसई।।

षष्ठ ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: सत्ताईस सागरोपम और उत्कृष्टत: अट्ठाईस सागरोपम की है।

-२४०. सागरा अउणतीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

सत्तमम्मि जहन्नेणं, सागरा अट्ठवीसई।।

सप्तम ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: अट्ठाईस सागरोपम और उत्कृष्टत: उनतीस सागरोपम की है।

२४१. तीसं तु सागराइं, उक्कोसेण ठिई भवे।

अट्ठमम्मि जहन्नेणं, सागरा अउणतीसई।।

अष्टम ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: उनतीस सागरोपम और उत्कृष्टत: तीस सागरोपम की है।

२४२. सागरा इक्कतीसं तु, उक्कोसेण ठिई भवे।

नवमम्मि जहन्नेणं, तीसई सागरोवमा।।

नवम ग्रैवेयक देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: तीस सागरोपम और उत्कृष्टत: इकतीस सागरोपम की है।

२४३. तेत्तीस सागराउ, उक्कोसेण ठिई भवे।

चउसुं पि विजयाईसुं, जहन्नेणेक्कतीसई।।

विजय, वैजयन्त, जयन्त और अपराजित देवों की आयु-स्थिति जघन्यत: इकतीस सागरोपम और उत्कृष्टत: तेतीस सागरोपम की है।

२४४. अजहन्नमणुक्कोसा, तेत्तीसं सागरोवमा।

महाविमाण सव्वट्ठे, ठिई एसा वियाहिया।।

महाविमान वासी सर्वार्थसिद्धक देवों की जघन्यत: और उत्कृष्टत: आयु-स्थिति तेतीस सागरोपम की है।

२४५. जा चेव उ आउठिई, देवाणं तु वियाहिया।

सा तेसिं कायठिई, जहन्नुक्कोसिया भवे।।

सारे ही देवों की जितनी आयु-स्थिति है उतनी ही उनकी जघन्य या उत्कृष्ट काय-स्थिति है।

२४६. अणंतकालमुक्कोसं, अंतोमुहुत्तं जहन्नयं।

विजढंमि सए काए, देवाणं हुज्ज अंतरं।।

उनका अन्तर—अपने-अपने काय को छोड़कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने का काल जघन्यत: अन्तर्मुहूर्त्त और उत्कृष्टत: अनन्त काल का है।

२४७. एएसिं वण्णओ चेव, गंधओ रसफासओ।

संठाणादेसओ वावि, विहाणाइं सहस्सओ।।

वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और संस्थान की दृष्टि से उनके हजारों भेद होते हैं।

२४८. संसारत्था य सिद्धा य, इइ जीवा वियाहिया।

रूविणो चेवरूवी य, अजीवा दुविहा वि य।।

संसारी और सिद्ध—इन दोनों प्रकार के जीवों की व्याख्या की गई है। इसी प्रकार रूपी और अरूपी—इन दोनों प्रकार के अजीवों की व्याख्या की गई है।

२४९. इइ जीवमजीवे य, सोच्चा सद्दहिऊण य।

सव्वनयाण अणुमए, रमेज्जा संजमे मुणी।।

इस प्रकार जीव और अजीव के स्वरूप को सुनकर, उनमें श्रद्धा उत्पन्न कर मुनि ज्ञान-क्रिया आदि सभी नय के द्वारा अनुमत संयम में रमण करे।

२५०. तओ बहूणि वासाणि, सामण्णमणुपालिया।

इमेण कमजोगेण, अप्पाणं संलिहे मुणी।।

मुनि अनेक वर्षों तक श्रामण्य का पालन कर इस क्रमिक प्रयत्‍न से आत्मा को कसे—संलेखना करे।२५

२५१. बारसेव उ वासाइं, संलेहुक्कोसिया भवे।

संवच्छरं मज्झिमिया, छम्मासा य जहन्निया।।

संलेखना उत्कृष्टत:—बारह वर्षों, मध्यमत: एक वर्ष तथा जघन्यत: छह मास की होती है।

२५२. पढमे वासचउक्कम्मि, विगईनिज्जूहणं करे।

बिइए वासचउक्कम्मि, विचित्तं तु तवं चरे।।

संलेखना करने वाला मुनि पहले चार वर्षों में विकृतियों (रसों) का परित्याग करे। दूसरे चार वर्षों में विचित्र तप (उपवास, बेला, तेला आदि) का आचरण करे।

२५३. एगंतरमायामं, कट्टु संवच्छरे दुवे।

तओ संवच्छरद्धं तु, नाइविगिट्ठं तवं चरे।।

फिर दो वर्षों तक एकान्तर तप (एक दिन उपवास तथा एक दिन भोजन) करे। भोजन के दिन आचाम्ल करे। ग्यारहवें वर्ष के पहले छह महीनों तक कोई भी विकृष्ट तप (तेला, चोला आदि) न करे।

२५४. तओ संवच्छरद्धं तु, विगिट्ठं तु तवं चरे।

परिमियं चेव आयामं, तंमि संवच्छरे करे।।

ग्याहरवें वर्ष के पिछले छह महीनों में विकृष्ट तप करे। इस पूरे वर्ष में परिमिति (पारणा के दिन) आचाम्ल करे।

२५५. कोडीसहियमायामं, कट्टु संवच्छरे मुणी।

मासद्धमासिएणं तु, आहारेण तवं चरे।।

बारहवें वर्ष में मुनि कोटि-सहित (निरन्तर) आचाम्ल करे। फिर पक्ष या मास का आहार-त्याग (अनशन) करे।२६

२५६. कंदप्पमाभिओगं, किब्बिसियं मोहमासुरत्तं च।

एयाओ दुग्गईओ, मरणम्मि विराहिया होंति।।

कांदर्पी भावना, आभियोगी भावना, किल्बिषिकी भावना, मोही भावना तथा आसुरी भावना—ये पांच भावनाएं दुर्गति की हेतुभूत हैं। मृत्यु के समय ये सम्यग्-दर्शन आदि की विराधना करती है।२७

२५७. मिच्छादंसणरत्ता, सनियाणा हु हिंसगा।

इय जे मरंति जीवा, तेसिं पुण दुल्लहा बोही।।

मिथ्या-दर्शन में रक्त, सनिदान और हिंसक दशा में जो मरते हैं, उनके लिए फिर बोधि बहुत दुर्लभ होती है।

२५८. सम्मद्दंसणरत्ता, अनियाणा सुक्कलेसमोगाढा।

इय जे मरंति जीवा, सुलहा तेसिं भवे बोही।।

सम्यग्-दर्शन में रक्त, अनिदान और शुक्ल-लेश्या में प्रवर्तमान जो जीव मरते हैं, उनके लिए बोधि सुलभ है।

२५९. मिच्छादंसणरत्ता, सनियाणा कण्हलेसमोगाढा।

इय जे मरंति जीवा, तेसिं पुण दुल्लहा बोही।।

मिथ्यादर्शन में रक्त, सनिदान और कृष्ण-लेश्या में प्रवर्तमान जो जीव मरते हैं, उनके लिए फिर बोधि बहुत दुर्लभ होती है।

२६०. जिणवयणे अणुरत्ता, जिणवयणं जे करेंति भावेण।

अमला असंकिलिट्ठा, ते होंति परित्तसंसारी।।

जो जिनवचन में अनुरक्त हैं तथा जिनवचनों का भावपूर्वक आचरण करते हैं वे निर्मल और असंक्लिष्ट होकर परीत-संसारी (अल्प जन्म-मरण वाले) हो जाते हैं।

२६१. बालमरणाणि बहुसो, अकाममरणाणि चेव य बहूणि।

मरिहिंति ते वराया, जिणवयणं जे न जाणंति।।

जो प्राणी जिनवचनों से परिचित नहीं हैं, वे बेचारे अनेक बार बाल-मरण तथा अकाम-मरण करते रहेंगें।

२६२. बहुआगमविण्णाणा, समाहिउप्पायगा य गुणगाही।

एएण कारणेणं, अरिहा आलोयणं सोउं।।

जो अनेक शास्त्रों के विज्ञाता, आलोचना करने वाले के मन में समाधि उत्पन्न करने वाले और गुणग्राही होते हैं, वे अपने इन्हीं गुणों के कारण आलोचना सुनने के अधिकारी होते हैं।

२६३. कंदप्पकोक्कुइयाइं तह, सीलसहावहासविगहाहिं।

विम्हावेंतो य परं, कंदप्पं भावणं कुणइ।।

जो कामकथा करता है, दूसरों को हंसाने की चेष्टा करता है तथा शील—आचरण, स्वभाव, हास्य और विकथाओं के द्वारा दूसरों का विस्मित करता है, वह कांदर्पी भावना का आचरण करता है।

२६४. मंताजोगं काउं, भूईकम्मं च जे पउंजंति।

सायरसइड्ढिहेउं, अभिओगं भावणं कुणइ।।

जो सुख, रस और समृद्धि के लिए मंत्र, योग और भूति-कर्म का प्रयोग करता है, वह आभियोगी भावना का आचरण करता है।

२६५. नाणस्स केवलीणं, धम्मायरियस्स संघसाहूणं।

माई अवण्णवाई, किब्बिसियं भावणं कुणइ।।

जो ज्ञान, केवल-ज्ञानी, धर्माचार्य, संघ तथा साधुओं की निन्दा करता है, वह मायावी पुरुष किल्बिषिकी भावना का आचरण करता है।

२६६. अणुबद्धरोसपसरो, तह य निमित्तम्मि होइ पडिसेवि।

एएहि कारणेहिं, आसुरियं भावणं कुणइ।।

जो क्रोध को सतत बढ़ावा देता है और निमित्त बताता है, वह अपनी इन प्रवृत्तियों के कारण आसुरी भावना का आचरण करता है।

२६७. सत्थग्गहणं विसभक्खणं च, जलणं च जलप्पवेसो य।

अणायारभंडसेवा, जम्मणमरणाणि बंधंति।।

जो शस्त्र के द्वारा, विष-भक्षण के द्वारा, अग्‍नि में प्रविष्ट होकर या पानी में कूद कर आत्म-हत्या करता है और जो मर्यादा से अधिक उपकरण रखता है, वह जन्म-मरण की परम्परा को पुष्ट करता है—मोही भावना का आचरण करता है।

२६८. इइ पाउकरे बुद्धे, नायए परिनिव्वुए।

छत्तीसं उत्तरज्झाए, भवसिद्धीयसंमए।।

इस प्रकार भव्य जीवों द्वारा सम्मत छत्तीस उत्तराध्ययनों का तत्त्ववेत्ता, ज्ञातवंशीय उपशान्त भगवान् महावीर ने प्रज्ञपन किया है।

—त्ति बेमि।।

—ऐसा मैं कहता हूं।

अध्ययन ३६ : जीवजीवविभक्ति

१. जीव और अजीव का विभाग (जीवाजीवविभत्ति)

जीव और अजीव के अनेक प्रकार हैं। आगम साहित्य में उनका विशद विवेचन प्राप्त है। दशवैकालिक सूत्र में कहा गया है—

जो जीवे वि न याणाइ, अजीवे वि न याणई।

जीवाजीवे अयाणंतो, कहं सो नाहिइ संजमं।।

जो जीव और अजीव को नहीं जानता—उनके भेद-प्रभेद और लक्षणों को नहीं जानता—वह संयम को नहीं जानता। संयम को जानना मोक्ष तक पहुंचने का प्रथम सोपान है और वह अवबोध जीव-अजीव के संज्ञान से ही होता है। जीव और अजीव के आधार पर संयम के सतरह प्रकार प्रतिपादित हैं।

२. यह लोक जीव और अजीवमय है (जीवा चेव अजीवा य)

जैन-आगमों में 'लोक' की परिभाषा कई प्रकार से मिलती है—धर्मास्तिकाय लोक है। लोक पञ्चास्तिकायमय है। जो आकाश षड्द्रव्यात्मक है, वह लोक है। यहां जीव और अजीव को लोक कहा गया है। इन सब में कोई विरोध नहीं है। केवल अपेक्षा-भेद से इनका प्रतिपादन हुआ है। धर्म द्रव्य लोक-परिमित है इसलिए उसे लोक कहा गया है। काल समूचे लोक में व्याप्त नहीं अथवा वह वास्तविक द्रव्य नहीं, इसलिए लोक को पञ्चास्तिकायमय बताया गया है।

द्रव्य छह है। उनमें आकाश सब का आधार है। इसलिए उसके आश्रय पर ही दो विभाग किए गए हैं—(१) लोकाकाश और (२) अलोकाकाश। अलोकाकाश में आकाश के सिवाय कुछ भी नहीं है। लोकाकाश में सभी द्रव्य हैं। व्यावहारिक काल सिर्फ मनुष्य लोक में है किन्तु वह है लोक में ही, इसलिए 'अंशस्यापि क्‍वचित् पूर्णत्वेन व्यपदेश:' के अनुसार लोक को षड्द्रव्यात्मक मानना ही युक्ति-सिद्ध है। कहा भी है—'द्रव्याणि षट् प्रतीतानि, द्रव्यलोक: स उच्यते।' संक्षिप्त दृष्टि के अनुसार जहां पदार्थ को चेतन और अचेतन उभयरूप माना गया है वहां लोक का भी चेतनाचेतनात्मक स्वरूप बताया गया है।

३. जहां अजीव का देश है—आकाश ही है (अजीव- देसमागासे)

अजीव के चार भेद हैं—(१) धर्मास्तिकाय, (२) अधर्मा-स्तिकाय, (३) आकाशास्तिकाय और (४) पुद्गलास्तिकाय। अलोक में जीव तो होते ही नहीं, अजीव में भी केवल आकाश ही होता है। इसलिए अलोक को आकाशमय कहा गया है। इसी आशय से बृहद्वृत्ति (पत्र ६७१) में कहा है—

धर्मादीनां वृत्तिर्द्रव्याणां भवति यत्र तत् क्षेत्रम्।

तैर्द्रव्यै: सह लोकस्तद् विपरीतं ह्यलोकाख्यम्।।

जहां धर्मास्तिकाय आदि छहों द्रव्य होते हैं वह लोक है। जो इससे विपरीत केवल आकाशमय है, वह अलोक है।

वह आकाश भी अखंड नहीं है। आकाश के दो विभाग है—लोकाकाश और अलोकाकाश। इसलिए अलोकाकाश को अजीव का एक देश कहा गया है।

४. (श्‍लोक ३)

भगवान् महावीर का दर्शन अनेकान्त-दर्शन है। अनेकान्त का अर्थ है 'वस्तु में अनन्त स्वभावों का होना।' सारे स्वभाव अपनी-अपनी दृष्टि से एक दूसरे से भिन्न हैं। जितने स्वभाव हैं उतने ही कथन-प्रकार हैं। अत: उनका एक साथ कथन असंभव है। भगवान् ने प्रमुख रूप से पदार्थ-ज्ञान की चार दृष्टियां दीं—(१) द्रव्य, (२) क्षेत्र, (३) काल और (४) भाव।

(१) द्रव्य-दृष्टि—इससे द्रव्य का परिमाण जाना जाता है।

(२) क्षेत्र-दृष्टि—इससे वस्तु कहां पाई जाती है, यह जाना जाता है।

(३) काल-दृष्टि—इससे द्रव्य की काल-मर्यादा जानी जाती है।

(४) भाव-दृष्टि—इससे द्रव्य के पर्याय—रूपपरिवर्तन—जाने जाते हैं।

चार दृष्टियों से द्रव्य विचार—

द्रव्यद्रव्य—दृष्टिक्षेत्र—दृष्टिकाल—दृष्टिभाव—दृष्टि
धर्म—एकलोक-व्यापीअनादि-अनन्तअरूपी
अधर्म—एकलोक-व्यापीअनादि-अनन्तअरूपी
आकाश—एकलोक-अलोक-व्यापी अनादि-अनन्तअरूपी
काल—अनन्तसमयक्षेत्र-व्यापीअनादि-अनन्तअरूपी
पुद्गल— अनन्तलोक-व्यापीअनादि-अनन्तअरूपी
जीव—अनन्तलोक-व्यापीअनादि-अनन्तअरूपी

५. (श्‍लोक ४)

रूपी अथवा मूर्त्त द्रव्य इन्द्रियगम्य हो सकता है। अरूपी अथवा अमूर्त्त द्रव्य इन्द्रिय का विषय नहीं है। जो इन्द्रिय का विषय नहीं है वह वास्तव में हेतु अथवा अनुमान का विषय भी नहीं बनता। अवधि और मन:पर्यव—दोनों प्रत्यक्ष ज्ञान हैं। उनके द्वारा भी अरूपी द्रव्य को नहीं जाना जा सकता। इस दृष्टि से अरूपी द्रव्य और सर्वज्ञता—दोनों में गहरा सम्बन्ध है।

६. (श्‍लोक ५)

पदार्थ दो रूप से ग्राह्य होता है—खंड-रूप और अखंड-रूप। वस्तु के सबसे छोटे भाग को, जिसके फिर दो टुकड़े न हो सके उसे परमाणु कहते हैं। परमाणु सूक्ष्म और किसी एक रस, एक गंध, एक वर्ण तथा दो स्पर्शों सहित होता है। वे परमाणु जब एकत्रित हो जाते हैं तब उन्हें स्कंध कहा जाता है। दो परमाणुओं से बनने वाले स्कंध को द्वि-प्रदेशी स्कंध कहते हैं। इसी प्रकार स्कंध के त्रि-प्रदेशी, दश-प्रदेशी, संख्येय-प्रदेशी, असंख्येय-प्रदेशी, अनन्त-प्रदेशी आदि अनंत भेद होते हैं। स्कंध के बुद्धि कल्पित अंश को देश कहते है। वह जब तक स्कंध से संलग्‍न रहता है तब तक देश कहलाता है। अलग हो जाने के बाद वह स्वयं स्कंध बन जाता है। स्कंध के उस छोटे से छोटे भाग को प्रदेश कहते हैं, जिसके फिर दो भाग न हो सके। प्रदेश भी तब तक ही प्रदेश कहलाता है जब तक वह स्कंध के साथ जुड़ा रहता है। अलग हो जाने के बाद वह परमाणु कहलाता है।

धर्मास्तिकाय आदि चार अस्तिकायों के स्कंध, देश तथा प्रदेश—ये तीन ही भेद होते हैं। केवल पुद्गलास्तिकाय के ही स्कंध, देश, प्रदेश तथा परमाणु—ये चार भेद होते हैं। ये रूपी हैं। धर्मास्तिकाय आदि की स्वरूप-चर्चा उत्तराध्ययन के अठाईसवें अध्ययन के आठवें और नौवें श्‍लोक की टिप्पणियों में की गई है।

७. अध्वासमय (काल) (अद्धासमए)

स्थानांग में काल चार प्रकार का बताया गया है। वहां एक नाम 'अद्धा-काल' भी आया है। वृत्तिकार ने बताया है कि काल शब्द, रंग, प्रमाण, काल आदि कई अर्थों में प्रयुक्त होता है। समय-वाची काल शब्द को रंग और प्रमाण-वाची काल शब्द से पृथक् करने के लिए उसके पीछे 'अद्धा' विशेषण जोड़ा गया है।१ यहां उसी अर्थ में अद्धा समय है।

यह सूर्य की गति से सम्बद्ध रहता है। दिन-रात आदि का काल-मान केवल मनुष्य-क्षेत्र में ही होता है। उससे बाहर ये भेद नहीं होते। अत: अद्धा-काल केवल मनुष्य-क्षेत्र (अढ़ाई द्वीप) में ही होता है।

८. समयक्षेत्र (मनुष्य लोक) में (समयखेत्तिए)

समयक्षेत्र वह क्षेत्र है, जहां समय, आवलिका, पक्ष, मास, ऋतु, अयन आदि का काल-विभाग परिज्ञात होता है। समयक्षेत्र से बाहर उपर्युक्त काल-विभाग नहीं होता। समयक्षेत्र का दूसरा नाम मनुष्यलोक भी है। क्योंकि जन्मत: मनुष्य केवल समयक्षेत्र में ही पाये जाते हैं। क्षेत्र-फल की दृष्टि से इनकी व्याख्या यह है—जम्बूद्वीप, धातकीखंड तथा अर्धपुष्कर—इन अढ़ाई द्वीपों की संज्ञा मनुष्यक्षेत्र या समयक्षेत्र है।

सूर्य और चन्द्रमा मेरु पर्वत की प्रदक्षिणा करते हुए घूमते हैं, अत: उनकी गति समयक्षेत्र तक ही सीमित रह जाती है। उससे आगे यद्यपि असंख्य सूर्य और चन्द्रमा हैं पर वे अपने स्थान पर अवस्थित हैं अत: उनसे काल का विभाग नहीं होता।

९. (श्‍लोक ११)

परमाणु आकाश के एक प्रदेश में ही अवगाहन करते हैं। इसलिए 'भजना' अथवा विकल्प केवल स्कंध का ही होता है। स्कंध की परिणति नाना प्रकार की होती है। कुछ स्कंध आकाश के एक प्रदेश में भी अवगाहन कर लेते हैं, कुछ आकाश के संख्येय प्रदेशों में अवगाहन करते हैं और कुछ स्कंध पूर्ण लोकाकाश में फैल जाते हैं। इसलिए क्षेत्रावगाहन की दृष्टि से इसके अनेक विकल्प बन जाते हैं।

१०. (श्‍लोक १३-१४)

संख्या आठ प्रकार की बतलाई हैं। उनमें एक भेद है गणना। गणना के मुख्य तीन भेद हैं—संख्य, असंख्य और अनन्त। इनके अवान्तर भेद बीस होते हैं। यथा— संख्य के तीन भेद हैं—(१) जघन्य, (२) मध्यम और (३) उत्कृष्ट।

असंख्य के नौ भेद हैं—(१) जघन्य परीत असंख्यय, (२) मध्यम परीत असंख्येय, (३) उत्कृष्ट परीत असंख्येय, (४) जघन्य युक्त असंख्येय, (५) मध्यम युक्त असंख्येय, (६) उत्कृष्ट यक्त असंख्येय, (७) जघन्य असंख्येय-असंख्येय, (८) मध्यम असंख्ेयय-असंख्येय एवं (९) उत्कृष्ट असंख्येय- असंख्येय।

अनन्त के आठ भेद हैं—(१) जघन्य परीत अनन्त, (२) मध्यम परीत अनन्त, (३) उत्कृष्ट परीत अनन्त, (४) जघन्य युक्त अनन्त, (५) मध्यम युक्त अनन्त, (६) उत्कृष्ट युक्त अनन्त, (७) जघन्य अनन्त-अनन्त तथा मध्यम अनन्त-अनन्त एवं (८) उत्कृष्ट अनन्त-अनन्त। असद्भाव होने से यह भेद गणना में नहीं लिया गया है।

जघन्य संख्येय संख्या दो है। एक संख्या गणना संख्या में नहीं आती। क्योंकि लेनदेन के व्यवहार में अल्पतम होने के कारण एक की गणना नहीं होती। 'संख्यायते इति संख्या' अर्थात् जो विभक्त हो सके, वह संख्या है। इस दृष्टि से जघन्य संख्या दो से प्रारम्भ होती है।

जघन्य संख्या दो है और अन्तिम संख्या अनन्त है। संख्या के सारे विकल्पों को कल्पना के माध्यम से इस प्रकार समझ सकते हैं—

चार प्याले हैं—अनवस्थित, शलाका, प्रतिशलाका और महाशलाका। चारों प्याले एक लाख योजन लम्बे, एक लाख योजन चौड़े, एक हजार योजन गहरे, गोलाकार और जंबूद्वीप की जगति प्रमाण ऊंचे हैं। पहले अवस्थित प्याले को सरसों के दाने से इतना भरें कि एक दाना उसमें और डालें तो वह न ठहर सके। उस प्याले का पहला दाना जंबूद्वीप में, दूसरा लवणसमुद्र में, तीसरा धातकीखंड में—इस प्रकार द्वीप और समुद्र में क्रमश: दाने गिराते चले जाएं। (जम्बूद्वीप एक लाख योजन लम्बा-चौड़ा है, लवणसमुद्र उससे दूना और धातकीखंड उससे दूना है, इस प्रकार द्वीप के बाद समुद्र और समुद्र के बाद द्वीप एक-दूसरे से दूने हैं।) असंख्य द्वीप और असंख्य समुद्र है। अन्तिम दाना जिस समुद्र या द्वीप में गिराएं, उस प्रमाण का दूसरी बार अनवस्थिति प्याला बनाएं। फिर उससे आगे उसी प्रकार अनवस्थित प्याले का एक-एक दाना गिराते जाएं। (एक बार अवस्थिति प्याला खाली हो जाए तो एक दाना शलाका प्याले में डालें)। इस क्रम में एक-एक दाना डाल कर शलाका प्याले को भरें। शलाका प्याला इतना भर जाए कि उसमें एक दाना भी और डालें तो वह न टिक सके। एक बार शलाका प्याला भरने पर प्रतिशलाका में एक दाना डालें। जब इस क्रम से प्रतिशलाका प्याला भर जाए तो एक दाना महाशलाका प्याले में डालें। इस क्रम से महाशलाका प्याला भरने के बाद प्रतिशलाका भरें, फिर शलाका प्याला करें, फिर अनवस्थित प्याला भरें। दूसरे रूप में इसे सरलता से इस प्रकार समझ सकते हैं—

अनवस्थित प्याला—एक दाना शलाका

शलाका प्याला—एक दाना प्रतिशलाका

प्रतिशलाका प्याला—एक दाना महाशलाका

चारों प्यालों के भर जाने के बाद सब दानों का एक ढेर करें। उस राशि में से दो दानें हाथ में लें। शेष ढेर मध्यम संख्यात है। हाथ का एक दाना मिलाने से उत्कृष्ट संख्यात होता है। हाथ का दूसरा दाना मिलाने से जघन्य परीत असंख्यात होता है।

जघन्य परीत असंख्येय की राशि को जघन्य परीत असंख्येय की राशि से जघन्य परीत असंख्येय बार गुणा करें। जो राशि आए, उसमें से दो निकाल लें। शेष राशि मध्यम परीत असंख्येय होता है। एक और मिलाने से उत्कृष्ट परीत असंख्येय होता हैं। एक और मिलाने से जघन्य युक्त असंख्येय होता है। जघन्य युक्त असंख्येय की राशि को, जघन्य युक्त असंख्येय राशि से जघन्य युक्त असंख्येय बार गुणा करें। जो राशि प्राप्त हो, उसमें से दो निकालने पर शेष राशि मध्यम परीत असंख्येय होती है। एक मिलाने से उत्कृष्ट परीत असंख्येय होता है।

जघन्य असंख्येय असंख्येय राशि को इसी राशि से उतनी बार गुणा करें। जो राशि प्राप्त हो, उसमें से दो निकाल लें। शेष राशि मध्यम असंख्येय होती है। एक मिलाने से उत्कृष्ट असंख्येय होती है। एक और मिलाने से जघन्य असंख्येय असंख्येय होता है।

जघन्य असंख्येय असंख्येय राशि को इसी राशि से उतनी बार गुणा करें। जो राशि प्राप्त हो, उसमें से दो निकाल लें। शेष राशि मध्यम असंख्येय असंख्येय होती है। एक मिलाने से उत्कृष्ट असंख्येय असंख्येय होती है। एक और मिलाने से जघन्य परीत अनन्त होता है।

जघन्य परीत अनन्त राशि को इसी राशि से उतनी बार गुणा करें। जो राशि प्राप्त हो, उसमें से दो निकाल लें। शेष राशि मध्यम परीत अनन्त होती है। एक मिलाने से उत्कृष्ट परीत अनन्त होती है। एक और मिलाने से जघन्य युक्त अनन्त होती है।

जघन्य युक्त अनन्त राशि को इसी राशि से उतनी बार गुणा करें। जो राशि प्राप्त हो, उसमें से दो निकाल लें। शेष राशि मध्यम परीत अनन्त होती है। एक मिलाने से उत्कृष्ट परीत अनन्त होती है। एक और मिलाने से जघन्य अनन्त अनन्त होती है। जघन्य अनन्त अनन्त से आगे की संख्या सब मध्यम अनन्त अनन्त होती है। क्योंकि उत्कृष्ट अनन्त अनन्त नहीं होता।

११. संस्थान की अपेक्षा से (संठाणओ)

पुद्गल के जो असाधारण धर्म है, उनमें से संस्थान भी एक है। उसके दो भेद हैं—(१) इत्थंस्थ और (२) अनित्थंस्थ।

जिसका त्रिकोण, चतुष्कोण आदि आकार नियत हो, उसे 'इत्थंस्थ' कहा जाता है तथा जिसका कोई निर्णीत आकार न हो, उसे 'अनित्थंस्थ' कहते हैं।

इत्थंस्थ के पांच प्रकार हैं—(१) परिमंडल—चूड़ी की तरह गोल, (२) वृत्त—गेंद की तरह वर्तुलाकार, (३) त्र्यस्र—त्रिकोण, (४) चतुरस्र—चौकोण और (५) आयत—रस्सी की तरह लम्बा।

१२. (श्‍लोक ४८-५०)

सिद्ध होने के बाद सब जीव समान स्थिति को प्राप्त हो जाते हैं, उनमें कोई उपाधि-जनित भेद नहीं रहता। फिर भी पूर्व-अवस्था की दृष्टि से उनके भेद किए गए हैं—

(१) स्त्री सिद्ध

(२) पुरुष सिद्ध

(३) नपुंसक सिद्ध

(४) स्व-लिङ्ग सिद्ध

(५) अन्य-लिङ्ग सिद्ध

(६) गृहि-लिङ्ग सिद्ध

(७) उत्कृष्ट अवगाहना वाले सिद्ध

(८) जघन्य अवगाहना वाले सिद्ध

(९) मध्यम अवगाहना वाले सिद्ध

(१०) ऊंची दिशा में होने वाले सिद्ध

(११) नीची दिशा में होने वाले सिद्ध

(१२) तिरछी दिशा में होने वाले सिद्ध

(१३) समुद्र में होने वाले सिद्ध

(१४) नदी आदि में होने वाले सिद्ध

ये चौदह प्रकार हैं। इनमें पहले तीन प्रकार लिङ्ग की अपेक्षा से है। इसका तात्पर्य यह है कि स्त्री, पुरुष और नपुंसक (कृत नपुंसक) ये तीनों सिद्ध हो सकते हैं।

अगले तीन प्रकार वेश की अपेक्षा से हैं। इसका तात्पर्य यह है कि जैन-साधुओं के वेश में, अन्य साधुओं के वेश में और गृहस्थ के वेश में भी जीव सिद्ध हो सकते हैं।

तीसरे त्रिक के तीन प्रकार के शरीर की लम्बाई की अपेक्षा से है। इसका तात्पर्य यह है कि निर्दिष्ट अवगाहना वाले जीव ही सिद्ध होते हैं।

ओगाहणा—शरीर की ऊंचाई को 'अवगाहना' कहते हैं। सिद्ध होने वाले जीवों की अधिक से अधिक ऊंचाई ५०० धनुष की होती है। कम से कम ऊंचाई २ हाथ की होती है। दो हाथ से अधिक और ५०० धनुष से कम की ऊंचाई को 'मध्यम अवगाहना' कहते हैं। सिद्धों की अवगाहना जघन्य, उत्कृष्ट तथा मध्यम—तीनों ही प्रकार की होती है।

अन्तिम पांच प्रकार क्षेत्र की अपेक्षा से है। इसका तात्पर्य यह है कि जीव कदाचित् विशेष संयोगों में ऊंचे लोक (नौ सौ योजन से ऊपर), नीचे लोक (नौ सौ योजन से नीचे) और जलाशय आदि में भी सिद्ध हो सकते हैं।

उड्ढं—जैन-साहित्य में लोक को तीन भागों में विभक्त किया गया है—ऊर्ध्व-लोक, अधो-लोक और तिर्यक्-लोक। यद्यपि मूल पाठ में 'ऊर्ध्व' शब्द का ही प्रयोग किया गया है, पर प्रकरण से उसका अर्थ 'ऊर्ध्व-लोक' होता है। ऊंचाई की दृष्टि से सारा लोक १४ रज्जू-प्रमाण है। ऊर्ध्व-लोक की ऊंचाई ७ रज्जू से कुछ कम है। साधारणतया जीव तिर्यक्-लोक में सिद्ध होते हैं, पर यदा कदा मेरुपर्वत की चूलिका पर से भी जीव सिद्ध हो जाते हैं। मेरुपर्वत की ऊंचाई एक लाख योजन परिमाण है अत: वह ऊर्ध्व-लोक की सीमा में आ जाता है। इसीलिए वहां पर से मुक्त होने वाले जीवों का 'सिद्धि-क्षेत्र' ऊर्ध्व-लोक ही होता है।

अहे—अधो-लोक के क्षेत्र की लम्बाई सात रज्जू से कुछ अधिक है। साधारणतया वहां मुक्ति नहीं होती, पर महाविदेह की दो विजय मेरु के रुचक प्रदेशों से हजार योजन नीचे तक चली जाती है। तिर्यक्-लोक की सीमा नौ सौ योजन है। उससे आगे अधोलोक की सीमा आ जाती है। उस सौ योजन की भूमि में जीव कर्म-मुक्त होते हैं।

तिरियं—तिर्यक्-लोक 'मनुष्य-क्षेत्र' को ही कहते हैं। अढ़ाई द्वीप प्रमाण तिरछे और अठारह सौ योजन प्रमाण लम्बे इस भू-भाग में कहीं से भी जीव सिद्ध हो सकते हैं।

नंदी (सूत्र ३१) में सिद्धों के पन्द्रह प्रकार निर्दिष्ट हैं—

(२) अतीर्थ सिद्ध—तीर्थ-स्थापना से पहले मुक्त होने वाले।

(३) तीर्थङ्कर सिद्ध—तीर्थङ्कर-अवस्था में मुक्त वाले।

(४) अतीर्थङ्कर सिद्ध—तीर्थङ्कर के अतिरिक्त मुक्त होने वाले।

(५) स्वयंबुद्ध सिद्ध—अपने आप किसी बाहरी निमित्त की प्रेरणा से बिना दीक्षित होकर मुक्त होने वाले।

(६) प्रत्येकबुद्ध सिद्ध—किसी एक निमित्त से दीक्षित होकर मुक्त होने वाले।

(७) बुद्धबोधित सिद्ध—उपदेश से प्रतिबोध पाकर, दीक्षित हो, मुक्त होने वाले।

(८) स्त्रीलिङ्ग सिद्ध—स्त्रीलिङ्ग में मुक्त होने वाले।

(९) पुरुषलिङ्ग सिद्ध—पुरुषलिङ्ग में मुक्त होने वाले।

(१०) नपुंसकलिङ् सिद्ध—जो जन्म से नपुंसक नहीं, किन्तु किसी कारणवश नपुंसक बने हों, उस स्थिति में मुक्त होने वाले।

(११) स्वलिङ्ग सिद्ध—जैन-साधुओं के वेश में मुक्त होने वाले।

(१२) अन्यलिङ्ग सिद्ध—अन्य-साधुओं के वेश में मुक्त होने वाले।

(१३) गृहलिङ्ग सिद्ध—गृहस्थ के वेश में मुक्त होने वाले।

(१४) एक सिद्ध—एक समय में एक जीव सिद्ध होता है, वह।

(१५) अनेक सिद्ध—एक समय में अनेक जीव सिद्ध होते हैं, (उत्कृष्टत: १०८ हो सकते हैं), वे।

सिद्ध अवस्था में आत्म-विकास की दृष्टि से सिद्ध जीव सर्वथा समान होते हैं, केवल उनकी अवगाहना में भेद होता है। सिद्ध जीव समूचे लोक में व्याप्त नहीं होते, किन्तु उनकी आत्मा एक परिमित क्षेत्र में अवस्थित होती है। पूर्वावस्था की उत्कृष्ट— पांच सौ धनुष्य की अवगाहना वाले जीवों की आत्मा तीन सौ तैंतीस धनुष्य और एक हाथ आठ अंगुल परिमित क्षेत्र में अवस्थित होती है।३ पूर्वावस्था की मध्यम—दो हाथ से अधिक और पांच सौ धनुष्य से कम अवगहाना१ वाले जीवों की आत्मा अपने अन्तिम शरीर की अवगाहना से त्रिभागहीन क्षेत्र में अवस्थित होती है। पूर्वावस्था की जघन्य दो हाथ की अवगाहना वाले जीवों की आत्मा एक हाथ आठ अंगुल परिमित क्षेत्र में अवस्थित होती है।

सिद्धों के विषय में विशेष जानकारी के लिए देखिए— औपपातिक सूत्र १९५, गाथा १-२२ तथा आवश्यक-निर्युक्ति, गाथा ९५८-९८८।

१३ (श्‍लोक ५५-५६)

ये दोनों श्‍लोक विशेषावश्यक भाष्य में गाथा ३१५८-३१५९ के रूप में उल्लिखित हैं। मल्लधारी हेमचन्द्र ने टीका में इन्हें निर्युक्ति गाथा माना है।

१४. ईषत्-प्राग्भारा (ईसीपब्भए)

औपपातिक (सूत्र १९३) मे सिद्धशिला के बाहर नाम बतलाए गए हैं। उनमें यह दूसरा नाम है।

१५. (श्‍लोक ७१-७७)

इन श्‍लोकों व गाथाओं में मृदु पृथ्वी के सात और कठिन पृथ्वी के ३६ प्रकार बतलाए गए हैं। उनमें से कुछ एक विशेष शब्दों के अर्थ और कुछ विशेष ज्ञातव्य बातें यहां प्रस्तुत की जा रही हैं—

पणगमट्टिया—अत्यन्त सूक्ष्म रजोमयी मृत्तिका। कुछ आचार्य इसका मरुपर्पटिका (पपड़ी) अर्थ करते हैं।५ लोक प्रकाश के अनुसार नदी आदि के प्रवाह के चले जाने पर पीछे जो कीचड़ के रूप में कोमल और चिकनी मिट्टी रहती है, वह 'पनक-मृत्तिका' है।

उवले—वृत्त पाषाण, गोल पत्थर।

वइरे—वज्रमणि, हीरा। उत्पत्ति स्थान के आधार पर इसके अनेक भेद होते है। जैसे—

(१) सभा राष्ट्रक—विदर्भ—बरार देश में उत्पन्न होने वाला।

(२) मध्यम राष्ट्रक—कौशल देश में उत्पन्न होने वाला।

(३) काश्मीर राष्ट्रक—काश्मीर में उत्पन्न होने वाला।

(४) श्रीकटनक—श्रीकटन नामक पर्वत पर उत्पन्न होने वाला।

(५) मणिमन्तक—उत्तर की ओर से मणिमन्तक नामक पर्वत पर उत्पन्न होने वाला।

(६) इन्द्रवानक—कलिंग देश में उत्पन्न होने वाला।

इन उपर्युक्त स्थानों के अतिरिक्त और भी अनेक स्थान हैं, जहां पर हीरा उत्पन्न होता है, जैसे—खान, विशेष जल-प्रवाह और हाथी दान्त की जड़ आदि।

हीरा अनेक रंगों का होता है, जैसे—

(१) मार्जाराक्षक—मार्जार की आंख के समान।

(२) शिरीषपुष्पक—शिरीष के फूल के समान।

(३) गोमूत्रक—गोमूत्र के समान।

(४) गोमेदक—गोरोचन के समान।

(५) शुद्ध स्फटिक—अत्यन्त श्‍वेत वर्ण स्फटिक के समान।

(६) मूलाटीपुष्पक वर्ण—मूलाटी के फूल के समान।

उत्तम हीरा निम्‍नोक्त गुणों वाला होता है—मोटा, चिकना, भारी चोट को सहने वाला, बराबर कोनों वाला, पानी से भरे हुए पीतल आदि के बर्तन में हीरा डाल कर उस बर्तन के हिलाए जाने पर बर्तन में लकीर डालने वाला, तकवे की तरह घूमने वाला और चमकदार। ऐसा हीरा प्रशस्त माना जाता है।

नष्टकोण—अर्थात् शिखर-रहित (कोनों से रहित), अश्रि-रहित (तीक्ष्ण कोनों से रहित) तथा एक ओर अधिक निकले हुए कोनों वाला हीरा अप्रशस्त माना जाता है।

सासग—हरित वर्ण वाला धातु।

पवाले—प्रवाल, विद्रुम, मूंगा। इसे नौ रत्‍नों में एक रत्‍न माना है, पर जंतु-विशेषज्ञों के अन्वेषण के आधार पर 'प्रवाल' (मूंगा) एक समुद्री वनस्पति-जीव है, जिसके कंकाल के टुकड़े करके आभूषण बनाए जाते हैं।१३ मूंगों की अनेक जातियां हैं, जिनकी शक्ल-सूरत में काफी भेद रहता है। उनके शरीर की भीतरी बनावट एक जैसी ही होती है और सबके ऊपरी हिस्से पर इनका खुला हुआ मुख-छिद्र रहता है। मुख-छिद्र के चारों ओर अंगुलियों की शक्ल के पतले-पतले अङ्गक रहते हैं, जो इनके स्पर्श-इन्द्रियों, हाथ तथा आत्मरक्षा के लिए डंक हैं। ये अपने शरीर के चारों ओर कड़ी खोल की रचना करते हैं, जिसके भीतर इनका नरम शरीर सुरक्षित रहता है। इनमें कुछ नली के आकार के होते हैं तो कुछ पेड़-पौधों की तरह अपनी टेढ़ी शाखाएं फैलाए रहते हैं। कुछ की बनावट मनुष्य के भेजे जैसी होती है तो कुछ कुकुरमुत्ते की शक्ल के होते हैं। कुछ देखने में पंखी से लगते है तो कुछ अंगुलियों से और इन्हीं में कुछ ऐसे भी हैं, जिन्होंने लाखों अरबों वर्षों में निरन्तर संगठन से बड़ी-बड़ी चट्टानों तथा मीलों लम्बे प्रवाल-द्वीपों का रूप ग्रहण कर लिया है। संभव है इन द्वीपों से खुदाई के द्वारा प्राप्त होने के कारण इसे पृथ्वीकाय के भेदों में सम्मिलित किया गया हो।

आचार्य हेमचन्द्र ने प्रवाल के पर्यायवाची नाम 'रक्त-कंद' और 'हेम-कंदल' दिए हैं।१ उत्पत्ति स्थान के आधार पर इसके दो भेद किए जाते हैं—(१) आलकंदक—आलकंद नाम का म्लेच्छ देशों में समुद्र के किनारे पर एक स्थान है, वहां पर उत्पन्न होने वाला और (२) वैवर्णिक— यूनान देश के समीप विवर्ण नामक समुद्र का एक भाग है, वहां पर उत्पन्न होने वाला। मूंगा (प्रवाल) लाल तथा पद्म के समान रंग वाला होता है।

अंजण—समीरक।

गोमेज्जए—गोमेदक माणक की उपजातियों में गिना जाता है। माणक केवल लाल रंग का होता है, पर इसमें लाल के साथ पीत रंग का भी आभास होता है। किन्तु कौटलीय अर्थशास्त्र के अनुसार यह 'वैडूर्य' का एक प्रकार है। मूलाचार में 'गोमज्झग' (पं० गोमध्यक) शब्द है। इसका अर्थ कर्केतन मणि किया गया है। किन्तु 'गोमध्यक' शब्द मूल से कुछ दूर हो गया, ऐसा प्रतीत होता है।

रुयगे—रुचक—राजवर्तक।

फलिहे—स्फटिक मणि। रयणपरिक्खा के अनुसार स्फटिक मणि नेपाल, कश्मीर, चीन, कावेरी और यमुना तट पर तथा विंध्य पर्वत में उत्पन्न होता है।

कौटलीय अर्थशास्त्र के अनुसार वह चार प्रकार का होता है—

(१) शुद्धस्फटिक—अत्यन्त शुक्ल वर्ण वाला,

(२) मूलाटवर्ण—मक्खन निकाले हुए दही (तक्र) के समान रंग वाला,

(३) शीतवृष्टि—चन्द्रकान्त—चन्द्रमा की किरणों के स्पर्श से पिघल जाने वाला और

(४) सूर्य की किरणों का स्पर्श होने पर आग उगलने वाला।

लोहियक्खे—किनारे की ओर लाल रंग वाला और बीच में काला। इसका एक नाम 'लोहितक' भी मिलता है। मूलाचार में इसका नाम 'लोहितांक' मिलता है।

मरगय—मरकत। श्री रत्‍नपरीक्षा ग्रन्थ में इसका विस्तृत विवरण प्राप्त है।१०

मसारगल्ले—मसृण पासाण मणि (चिकनी धातु)। इसका वर्ण विदु्रम जैसा होता है।

भुयमोयग—मूलाचार में केवल 'मोय' शब्द है। वृत्तिकार ने इसका अर्थ 'कदली वर्णाकार नील मणि' किया है। सरपेन्टियर ने इसका अर्थ 'सर्प के विष से रक्षा करने वाला मणि विशेष' किया है।

इंदनीले—इन्द्रनील (नीलम)। इसका वर्ण नीला (हरा) होता है। कहीं-कहीं इसकी उत्पत्ति सिंघल द्वीप में बताई गई है। यह आठ प्रकार का होता है—

(१) नीलावलीय—रंग सफेद होने पर भी जिसमें नीले रंग की धाराएं हों।

(२) इन्द्रनील—मोर के पेंच की तरह नीले रंग वाला।

(३) कलायपुष्पक—मटर के फूल सदृश रंग वाला।

(४) महानील—भौंरे के समान गहरे काले रंग वाला।

(५) जाम्बवाभ—जामुन के समान रंग वाला।

(६) जीमूतप्रभ—मेघ के समान रंग वाला।

(७) नंदक—भीतर से सफेद और बाहर से नीला।

(८) स्रवन्मध्य—जिसमें से जल-प्रवाह के समान किरणें बहती हों।

चन्दन—चन्दन जैसी गंध वाला मणि।

गेरुय—इसका अर्थ 'रुधिराक्ष' है। इसका वर्ण गेरु जैसा होता है।३ हंसगब्भ—मूलाचार में 'बक' नामक मणि का उल्लेख है। वॄित्तकार ने इसका अर्थ 'बक के रंग का पुष्पराग' किया है।४ कौटलीय अर्थशास्त्र के अनुसार 'पुष्पराग' वैडूर्य का एक प्रकार है।५ 'बक' बगुले का रंग भी हंस जैसा होता है, इसलिए हंसगर्भ का यही अर्थ संभव है। सरपेन्टियर ने 'हंस' का अर्थ सूर्य कर इसको 'सूर्यगर्भ' नाम का मणि माना है।

पुलए—पुलक। यह बीच में काला होता है। कौटलीय अर्थशास्त्र (२।११।२९) में मणियों की अठारह अवान्तर जातियां बताई गई हैं—

(१) विमलक—सफेद और हरे रंग से मिश्रित।

(२) सस्यक—नीला।

(३) अञ्जनमूलक—नीला और काला मिश्रित।

(४) गोपित्तक—गाय के पित्त के समान रंग वाला।

(५) सुलमक—सफेद।

(६) लोहिताक्ष—किनारों की ओर लाल रंग वाला और बीच में काला।

(७) मृगाश्मक—सफेद और काला मिला हुआ।

(८) ज्योतिरसक—सफेद और लाल मिला हुआ।

(९) मैलेयक—शिंगरफ के समान रंग वाला।

(१०) अहिच्छत्रक—फीके रंग वाला।

(११) कूर्म—खुरदरा—जिसके ऊपर छोटी-छोटी बूंद-सी उठी हुई हो।

(१२) प्रतिकूर्य—दागी—जिस पर धब्बे लगे हुए हों।

(१३) सुगंधिकूर्प—मूंग के समान रंग वाला।

(१४) क्षोरपक—दूध के समान वर्ण वाला।

(१५) शुक्तिचूर्णक—चित्रित—मिले हुए कई रंगों वाला।

(१६) शिला-प्रवालक—प्रवालक—अर्थात् मूंगे के समान रंग वाला।

(१७) पुलक—जो बीच में काला हो।

(१८) शुक्रपुलक—जो बीच में सफेद हो।

सोंगधिए (सं० सौगन्धिक)—माणिक्य। कौटलीय अर्थशास्त्र में माणिक्य की पांच जातियां बतलाई गई हैं। उनमें यह प्रथम जाति का है। सौगन्धिक नामक कमल के समान कुछ नीलेपन को लिए हुए लाल रंग का होने के कारण इसे 'सौगन्धिक' कहा जाता है।

वेरुलिए—वैडूर्य। वह आठ प्रकार का होता है८—

(१) उत्पलवर्ण—लाल कमल के समान रंग वाला,

(२) शिरीषपुष्पक—सिरीस के फूल के समान रंग वाला,

(३) उदकवर्ण—जल के समान स्वच्छ रंग वाला,

(४) वंशराग—बांस के पत्ते के समान रंग वाला,

(५) शुकपत्रवर्ण—तोते के पंखों की तरह हरे रंगों वाला,

(६) पुष्यराग—हल्दी के समान पीले रंग वाला,

(७) गोमूत्रक—गोमूत्र के समान रंग वाला,

(८) गोमेदक—गोरोचन के समान रंग वाला।

रयणपरिक्खा में भी इसकी उत्पत्ति की चर्चा की गई है। पाणिनि भाष्य के अनुसार यह बालवाय पर्वत में होता था। विदूरनगर में मणिकार उसे तरशते थे, इसलिए वह 'वैडूर्य' नाम से प्रसिद्ध हुआ।

जलकंते—जलकान्त। इसका अर्थ 'उदक वर्ण' है।११ कौटलीय अर्थशास्त्र के अनुसार यह वैडूर्य का एक प्रकार है।

सूरकंते—सूर्यकान्त। सूर्य की किरणों का स्पर्श होने पर आग उगलने वाला मणि। कौटलीय अर्थशास्त्र में इसे स्फटिक का ही एक भेद माना गया है।

प्रज्ञापना में कठिन पृथ्वी को चालीस श्रेणियों में विभक्त किया गया है।

उत्तराध्ययन में उसकी छत्तीस श्रेणियां बतलाई गई हैं। शान्त्याचार्य के अनुसार लोहिताक्ष और वसारगल्ल, क्रमश: स्फटिक और मरकत तथा गेरुक और हंसगर्भ चन्दन के उपभेद हैं।३ वृत्तिकार ने शुद्ध पृथ्वी से लेकर वज्र तक के चौदह प्रकार तथा हरिताल से लेकर आम्रबालुका तक के आठ प्रकार स्पष्ट माने हैं। गोमेदक से लेकर शेष सब चौदह प्रकार होने चाहिए, किन्तु अठारह होते हैं। इनमें से चार वस्तुओं का दूसरों में अन्तर्भाव होता है। वृत्तिकार इस विषय में पूर्णरूपेण असंदिग्ध नहीं है कि किसमें किसका अन्तर्भाव होना चाहिए।

१६. (कायठिइं....अंतरं)

कायस्थिति—एक ही जीवनिकाय में निरन्तर जन्म ग्रहण करते रहने की काल-मर्यादा।

अंतरकाल—एक काय का परित्याग कर पुन: उसी काय में उत्पन्न होने तक का काल 'अन्तर-काल' कहलाता है।

कायस्थिति के नियम के अनुसार एक ही काय में निरन्तर भव-परिवर्तन होता रहता है। अन्तर-काय के नियमों में काय का परिवर्तन हो जाता है।

१७. (श्‍लोक ८५)

इस श्‍लोक में अप्काय के पांच प्रकार बतलाए गए हैं। प्रज्ञापना (पद १) में इसके अधिक प्रकार प्राप्त हैं—

उत्तराध्ययन

(१) शुद्धोदक

(२) अवश्याय

(३) हरतनु—भूमि को भेद कर निकला हुआ जल-बिन्दु

(४) महिका—कुहासा

(५) हिम

प्रज्ञापना

(१) अवश्याय

(२) हिम

(३) माहिका

(४) करक—ओला

(५) हरतनु

(६) शुद्धोदक

(७) शीतोदक

(८) ऊष्णोदक

(९) क्षारोदक

(१०) खट्टोदक

(११) अल्होदक

(१२) लवणोदक

(१३) वारुणोदक

(१४) क्षीरोदक

(१५) घृतोदक

(१६) क्षोदोदक

(१७) रसोदक

१८. (श्‍लोक ९३-९९)

वनस्पति के मुख्य वर्ग दो हैं—

(१) साधारण-शरीर—जिसके एक शरीर मे अनंत जीव होते हैं, उसे 'साधारण-शरीर' कहा जाता है।

(२) प्रत्येक-शरीर—जिसके एक-एक शरीर में एक-एक जीव होता है, उसे 'प्रत्येक-शरीर' कहा जाता है।

सूत्रकार ने साधारण-शरीर से पूर्व प्रत्येक-शरीर वनस्पति के बारह प्रकार बतलाए हैं—

(१) वृक्ष—एक बीज वाले नीम आदि; अनेक बीज वाले बेल आदि।

(२) गुच्छ—जिसमें केवल पत्तियां या पतली टहनियां फैली हों, वह पौधा। जैसे—बैंगन, तुलसी आदि।

(३) गुल्म—जो एक जड़ से कई तनों के रूप में निकले, वह पौधा। जैसे—कटसरैया, कबैर आदि।

(४) लता—पृथ्वी पर या किसी बड़े पेड़ पर लिपट कर ऊपर फैलने वाला पौधा। जैसे—माधवी, अति-मुक्तक आदि।

(५) बल्ली—ककड़ी आदि की बेल।

(६) तृण—घास।

(७) लता-वलय—नारियल, खजूर, केला आदि। इनके दूसरी शाखा नहीं होती। इसलिए उन्हें 'लता' और इनकी डाल वलयाकार होती है, इसलिए इन्हें 'वलय' (संयुक्त रूप में लता-वलय) कहा गया है।

(८) पर्वज—ईख आदि।

(९) कुहुण—भूमि को फोड़ कर निकलने वाल पौधा। जैसे-सर्पच्छत्र आदि।

(१०) जलरुह—जलज वनस्पति—कमल आदि।

(११) औषधि तृण—एक फसला पौधा—गेहूं आदि।

(१२) हरितकाय—पालक, बथुवा आदि।

जहां पर एक शरीर में अनन्त जीव निवास करते हों, उसे 'साधारण वनस्पतिकाय' कहते हैं। सभी प्रकार के कंद, मूल तथा अनन्तकायिक साधारण वनस्पति जीव हैं। आलू, मूली, अदरक आदि सब इस श्रेणी के अन्तर्गत हैं।

कंदली (९७।४) लता विशेष। यह वर्षा ऋतु में होती है। इसका कंद स्‍निग्ध, पुष्प लाल और पत्ते हरे होते हैं; इसे 'भूकदली' और 'द्रोणपर्णी' भी कहा जाता है।

कंद (९८।३) बिना रेस वाली गुद्देदार जड़। भूमि में रहने वाला वृक्ष का अवयव।

हलिद्दा (९९।३) (सं० हरिद्रा) हल्दी पीत और सोने के रंग की होती है।३ इसका नाम है—'वरवर्णिनी' अर्थात् अच्छा वर्ण करने वाली। प्राचीन समय में हल्दी का तेल बहुतायत से लगाया जाता था। मद्रास की तरफ अब भी अपना वर्ण सुधारने के लिए स्त्रियां इसका प्रयोग करती है। यह वात-रोग, हृदय- रोग, प्रमेय आदि रोगों के लिए अति उत्तम मानी जाती है। सुश्रुत (चि० अ० ९) में तो कहा है कि इससे कुष्ठ रोग भी नष्ट हो जाता है। वस्तुत: यह रक्त शुद्ध करने वाली है, इसी दृष्टि से पीठी तथा आहार में इसका महत्त्वपूर्ण स्थान है।

१९. (श्‍लोक १०९-११०)

उत्तराध्ययन की अपेक्षा प्रज्ञापना (पद १) में अग्‍नि के प्रकार अधिक प्राप्त हैं—

उत्तराध्ययन

(१) अंगार—जलता हुआ कोयला

(२) मुर्मुर—भस्म मिश्रित अग्‍नि-कण

(३) अग्‍नि—लोहपिंड में प्रविष्ट तेजस्

(४) अर्चि—प्रदीप्त अर्ग्‍नि से विच्छिन्न अग्‍नि-शाखा

(५) ज्वाला—प्रदीप्त अग्‍नि से प्रतिबद्ध अग्‍नि-शाखा

(६) उल्का

(७) विद्युत्

प्रज्ञापना

(१) अंगार

(२) ज्वाला

(३) मुर्मुर

(४) अर्चि

(५) आलात—जलता हुआ ठूंठ

(६) शुद्धाग्‍नि

(७) उल्का

(८) अशनि—वज्रपात की अग्‍नि

(९) निर्घात

(१०) संघर्ष समुत्थित

(११) सूर्यकान्त मणि नि:सृत

२०. (श्‍लोक ११८-११९)

यहां वायु के पांच प्रकारों का निर्देश तथा अन्य प्रकारों का संकेत किया गया है। प्रज्ञापना (पद १) में इसके उन्नीस प्रकार प्राप्त हैं—

उत्तराध्ययन

(१) उत्कलिकावात—मिश्रित पवन।

(२) मण्डलिकावात—बवंडर।

(३) घनवात—ठोस पवन

(४) गुजावात—गूंजने वाला पवन

(५) शुद्धवात—मन्द पवन

(६) संवर्तकवात—प्रलयकारी पवन

प्रज्ञापना

(१) प्राचीनवात—पूर्वी पवन

(२) प्रतीचीनवात—पश्‍चिमी पवन

(३) दक्षिणवात—दक्षिणी पवन

(४) उदीचीनवात—उत्तरी पवन

(५) ऊर्ध्ववात—ऊर्ध्वमुखी पवन

(६) अधोवात—अधोमुखी पवन

(७) तिर्यग्वात—क्षैतिज पवन

(८) विदिग्वात—चौवाई

(९) वातोद्भ्रम—अनियमित पवन

(१०) वातोत्कलिका—समुद्री पवन

(११) वातमण्डली—अनिर्धार्य पवन

(१२) उत्कलिकावात

(१३) मण्डलिकावात

(१४) गुंजावात

(१५) झंझावात—वर्षायुक्त पवन

(१६) संवर्तकवात

(१७) घनवात

(१८) तनुवात—तरल पवन

(१९) शुद्धवात

२१. (श्‍लोक १२७-१४९)

सूत्रकार ने इन श्‍लोकों में द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय ओर चतुरिन्द्रिय जीवों के अनेक उदाहरण दिए हैं। वृत्तिकार ने कुछेक शब्दों की पहचान दी है। शेष के लिए उन्होंने लिखा है—'शेषास्तु यथासम्प्रदायं वाच्या:', 'एवमन्येऽपि यथासम्प्रदायं वाच्या:'। इसका फलितार्थ है कि वृत्तिकार के समय में ये शब्द अपना अर्थबोध खो चुके थे।

चतुरिन्द्रिय के भेद-प्रभेदों के विषय में वृत्तिकार का कथन है कि कुछेक जीवों के अर्थ अज्ञात हैं। वे अन्यान्य देशों में ज्ञात हो सकते हैं। उनसे इनका अर्थबोध किया जा सकता है तथा विशिष्ट परम्परा से भी वे ज्ञात हो सकते हैं।

२२. सम्मूर्च्छिम मनुष्य (संमुच्छिमा य मणुया)

गर्भ और उपपात के बिना जहां कहीं भी उत्पन्न होने वाले, चारों ओर से पुद्गलों का ग्रहण कर शरीर की रचना करने वाले जीव सम्मूर्च्छिम या सम्मूर्च्छनज कहलाते हैं।

जो जीव मनुष्य के मल, मूत्र, श्‍लेष्म आदि में उत्पन्न होते हैं, उन्हें उपचार से सम्मूर्च्छिम मनुष्य कहा जाता है।

२३. (श्‍लोक १९६)

प्रस्तुत श्‍लोक में तीन प्रकार के गर्भज मनुष्यों का निर्देश है—

१. कर्मभूमिज—जहां असि, मसि, कृषि, पशुपालन, शिल्पकर्म, वाणिज्य आदि कर्मों से आजीविका प्राप्त की जाती है, उस भूमि को कर्मभूमि कहा जाता है। ढाई द्वीप में वैसी भूमियां पन्द्रह हैं—पांच भरत, पांच ऐरावत और पांच विदेह। इन्हीं भूमियों के मनुष्य मोक्ष की साधना कर पाते हैं।

२. अकर्मभूमिज—जहां मनुष्य युगलरूप में (एक लड़की और एक लड़का) उत्पन्न होते हैं और जहां जीवन की आवश्यकताएं कल्पवृक्षों से पूरी होती हैं, उस भूमि को अकर्मभूमि कहा जाता है। यहां के स्त्री-पुरुष अपनी प्रकृतिभद्रता तथा मन्द कषाय के कारण मृत्यु के पश्‍चात् देवलोक में उत्पन्न होते हैं। अकर्मभूमियां तीस हैं—पांच हैमवत, पांच हरिवर्ष, पांच रम्यकवर्ष, पांच हैरण्यवत, पांच देवकुरु तथा पांच उत्तरकुरु।

३. अन्तर्द्वीपज—लवणसमुद्र के तीन सौ योजन भीतर हिमवत् के पाद में स्थित

२८ अन्तर्द्वीप तथा शिखरी के पाद में स्थित २८ अन्तर्द्वीप हैं। इस प्रकार ५६ अन्तर्द्वीप हैं।४ गाथा १९७ में सूत्रकार केवल २८ अन्तर्द्वीपों का उल्लेख करते हैं। यह हिमवत् के पाद में प्रतिष्ठित अन्तर्द्वीपों का ही कथन है। उन द्वीपों में एकोरुक्, हयकर्ण, गजकर्ण आदि युगलधर्मी मनुष्य रहते हैं। उनके शरीरमान आदि इस प्रकार हैं—

'अंतरदीवेसु णरा धणुसय अट्ठूसिया सया मुइया।

पालंति मिहुणभावं, पल्लस्स असंखभागाऊ।।'

'चउसट्ठी पिट्ठकरंडयाण मणुयाण तेसिमाहारो।

भत्तस्स चउत्थस्स अउणसीइदिणाण पालणया।।'

(बृहद्वृत्ति, पत्र ७००)

२४. वणचारिणो

यह देवताओं की एक जाति है। इसका अपर नाम— वाणव्यंतर, व्यंतर भी है। ये आठ प्रकार के हैं।५ ये विचित्र प्रकार के उपवनों तथा गिरिकंदराओं, वृक्षों पर रहते हैं। ये विशेष कुतूहलप्रिय और क्रीडारसिक होते हैं। ये ऊर्ध्व, अधो तथा तिर्यग्—तीनों लोकों का स्पर्श करते हैं तथा स्वतंत्र रूप से अथवा दूसरों के द्वारा नियुक्त होकर अनियत गति से संचरण करते हैं। ये मनुष्यों की एक सेवक की भांति सेवा करते हैं।

२५. (अप्पाणं संलिहे मुणी)

संलेखना का अर्थ है—कृश करना। जैन परम्परा में अनशन से पूर्व की जाने वाली विशेष तपस्या को संलेखना कहा गया है। इसकी पूरी विधि गाथा २५० से २५५ तक वर्णित है।

विशेष विवरण के लिए देखें—तीसवें अध्ययन का १२-१३ श्‍लोक का टिप्पण।

२६. (श्‍लोक २५२-२५५)

प्रस्तुत चार श्‍लोकों में तपस्या के प्रकारों का नामोल्लेख है—

१. विचित्र तप—उपवास, बेला, तेला आदि तप।

२. विकृष्ट तप—तेला, चोला आदि तप।

३. कोटिसहित तप—कोटि का अर्थ है—कोण। पहले दिन आयंबिल का प्रत्याख्यान कर, उसका अहोरात्र पालन कर, दूसरे दिन पुन: आचाम्ल करने से—दूसरे दिन के आचाम्ल का आरम्भ-कोण तथा प्रथम दिन के आचाम्ल का पर्यंत-कोण—दोनों कोणों के मिलने से इसको कोटि सहित तप कहा जाता है।

विशेष विवरण के लिए देखें—३०।१२,१३ का टिप्पण।

२७. (श्‍लोक २५६)

इस श्‍लोक में पांच संक्लिष्ट भावनाओं का उल्लेख है। उनके लक्षण और प्रकार २६३ से २६७ तक के श्‍लोकों में बतलाए गए हैं। उत्तरवर्ती साहित्य में भी इसका निरूपण होता रहा है। यहां हम उत्तराध्ययन के साथ-साथ मूलाराधना और प्रवचनसारोद्धार में चर्चित इन भावनाओं का अध्ययन करेंगे। ये उत्तराध्ययन से पूर्णत: प्रभावित हैं।

उत्तराध्ययनमूलाराधनाप्रवचनसारोद्धार
भावना नाम—--
(१) कान्दर्पी,(१) कान्दर्पी,(१) कान्दर्पी,
(२) आभियोगी,(२) किल्बिषिकी,(२) किल्बिषिकी,
(३) किल्बिषिकी,(३) आभियोगी,(३) आभियोगी,
(४) आसुरी और(४) आसुरी और(४) आसुरी और
(५) सम्मोहा।(५) सम्मोहा।(५) सम्मोहा।

१. कान्दर्पी भावना के प्रकार—

उत्तराध्ययन,

(१) कन्दर्प,

(२) कौत्कुच्य,

(३) तथा-प्रकार के शील, स्वभाव, हास्य और विकथाओं से दूसरों को विस्मित करना।

मूलाराधना

(१) कन्दर्प,

(२) कौत्कुच्य,

(३) चल-शीलता,

(४) हास्य-कथा और

(५) दूसरों को विस्मित करना।

प्रवचनसारोद्धार

(१) कन्दर्प,

(२) कौत्कुच्य,

(३) दु:शीलता,

(४) हास्य-करण और

(५) दूसरों को विस्मित करना।

कन्दर्प—वाणी का असभ्य प्रयोग।५ उत्तराध्ययन और प्रवचनसारोद्धार की वृत्ति के अनुसार इसके पांच अर्थ होते हैं—(१) ठहाका मार कर हंसना, (२) गुरु आदि के साथ व्यंग में बोलना, (३) काम-कथा करना, (४) काम का उपदेश देना और (५) काम की प्रशंसा करना।

कौत्कुच्य—काया का असभ्य प्रयोग।७ उत्तराध्ययन और प्रवचनसारोद्धार की वृत्ति के अनुसार इसके दो प्रकार हैं— (१) काय-कौत्कुच्य—भौं, आंख, मुंह आदि अवयवों का इस प्रकार बनाव करना जिससे दूसरे लोग हंस पड़े। (२) वाक्-कौत्कुच्य—विविध जीव-जन्तुओं की बोली बोलना, सिट्टी बजाना, जिससे दूसरे लोग हंस पड़े।८ उत्तराध्ययनवृत्ति में तथाप्रकार के शील-स्वभाव, हास्य तथा विकथा से दूसरों को विस्मित करना यह एक ही प्रकार हैं।

मूलाराधना और प्रवचनसारोद्धार में इसके स्थान पर तीन-तीन प्रकार हैं—

(१) चलशीलता—कन्दर्प और कौत्कुच्य का बार-बार प्रयोग करना।

(२) दु:शीलता—बिना विचारे तत्काल बोलना, शरत्-काल में दर्प से उद्धत बैल की तरह शीघ्र चलना, बिना सोचे समझे काम करना।

(३) हास्य-कथा या हास्य-करण—वेश परिवर्तन आदि के द्वारा दूसरों को हंसाना।

दूसरों को विस्मित करना—इन्द्रजाल, मन्त्र, प्रहेलिका आदि कुतूहलों के द्वारा विस्मय उत्पन्न करना।

२. आभियोगी भावना के प्रकार—

उत्तराध्ययनमूलाराधनाप्रवचनसारोद्धार
(१) मन्त्रयोग और(१) मन्त्राभियोग,(१) कौतुक,
(२) भूति-कर्म।(२) कौतुक और(२) भूति-कर्म,
(३) भूति-कर्म।(३) प्रश्‍न-
--(४) प्रश्‍नाप्रश्‍न और
--(५) निमित्त।

मन्त्रयोग—मन्त्र तथा उससे संबंधित द्रव्यों का प्रयोग करना।

मन्त्राभियोग—कुमारी आदि पात्रों में भूत का आवेश उत्पन्न करना।

भूति-कर्म—राख, मिट्टी अथवा धागे के द्वारा मकान, शरीर आदि का परिवेष्टन करना।५ बच्चों की रक्षा के लिए भूति का प्रयोग करना अथवा भूतों की क्रीड़ा दिखाना भी भूति-कर्म कहलाता है।

कौतुक—अकाल-वृष्टि आदि आश्‍चर्यकारी करतब दिखलाना अथवा वशीकरण आदि का प्रयोग करना। बच्चों तथा अन्य किसी की रक्षा के लिए स्‍नान, हाथ फेरना आदि क्रियाएं करना।

प्रश्‍न—दूसरों के पास लाभ-अलाभ आदि के विषय में प्रश्‍न करना अथवा स्वयं अंगुष्ठ, दर्पण आदि में भूत या भविष्य को जानने का यत्‍न करना।

प्रश्‍नाप्रश्‍न—स्वप्‍न में विद्या द्वारा कथित शुभाशुभ दूसरों को बतलाना।

निमित्त—निमित्त का प्रयोग करना।

३. किल्बिषिकी भावना के प्रकार—

उत्तराध्ययन

(१) ज्ञान का अवर्णवाद,

(२) केवली का अवर्णवाद,

(३) धर्माचार्य का अवर्णवाद,

(४) संघ का अवर्णवाद और

(५) माया।

मूलाराधना

(१) ज्ञान की वञ्चना और अवर्णवाद,

(२) केवली की वञ्चना और अवर्णवाद,

(३) धर्माचार्य की वञ्चना और अवर्णवाद और

(४) सर्वसाधुओं की वञ्चना और अवर्णवाद।

प्रवचनसारोद्धार

(१) ज्ञान का अवर्णवाद,

(२) केवली का अवर्णवाद,

(३) धर्माचार्य का अवर्णवाद,

(४) संघ का अवर्णवाद और

(५) माया।

विजयोदय में 'मायी' का अवर्णवादी की तरह ज्ञान, केवली, धर्माचार्य और सर्व साधु इन सबके साथ सम्बन्ध जोड़ा गया है।

४. आसुरी भावना के प्रकार—

(१) अनुबद्ध रोष प्रसर और

(२) निमित्त प्रतिसेवना।

मूलाराधना

(१) अनुबन्ध रोष विग्रह संसक्त तप,

(२) निमित्त प्रतिसेवना,

(३) निष्कृपता और

(४) निरनुताप।

प्रवचनसारोद्धार

(१) सदा विग्रहशीलता,

(२) संसक्त तप,

(३) निमित्त कथन,

(४) निष्कृपता और

(५) निरनुकम्पता।

अनुबद्ध रोष प्रसर—सदा विग्रह करते रहना, प्रमाद हो जाने पर भी अनुताप न करना, क्षमा-याचना कर लेने पर भी प्रसन्न न होना।

निमित्त प्रतिसेवना—निमित्त का प्रयोग करना।

अनुबंध रोष विग्रह संसक्त तप—अव्यवच्छिन्न क्रोध और कलह से संयुक्त तप करना।

संसक्त तप—आहार आदि में प्रतिबद्ध होकर उनकी प्राप्ति के लिए तप करना।

५. सम्मोहा भावना के प्रकार—

उत्तराध्ययन

(१) शस्त्र-ग्रहण,

(२) विष-भक्षण,

(३) स्वयं को अग्‍नि में जलाना,

(४) जल में डूब मरना और

(५) मर्यादा से अतिरिक्त उपकरण रखना।

मूलाराधना

(१) उन्मार्ग-देशना,

(२) मार्ग-दूषण और

(३) मार्ग-विप्रतिपत्ति।

प्रवचनसारोद्धार

(१) उन्मार्ग-देशना।

(२) मार्ग-दूषण,

(३) मार्ग-विप्रतिपत्ति

(४) मोह और

(५) मोह-जनन।

शस्त्र-ग्रहण—शस्त्र-ग्रहण आदि कार्यों से उन्मार्ग की प्राप्ति और मार्ग की हानि होती है। यह सम्मोहा भावना है।

उन्मार्ग देशना—मिथ्या दर्शन व अव्रत का उपदेश।

मार्ग-दूषण—मार्ग में दोष दिखलाना, जैसे—ज्ञान से ही मोक्ष होता है, दर्शन और चारित्र से क्या? चारित्र से मोक्ष होता है, ज्ञान से क्या?

मार्ग-विप्रतिपत्ति—ज्ञान, दर्शन और चारित्र मोक्ष के मार्ग नहीं—ऐसा मानना या उन जीवों के प्रतिकूल आचरण करना।

मोह—गूढ़तम तत्त्वों में मूढ़ हो जाना अथवा चारित्र-शून्य तीर्थिकों का ऐश्‍वर्य देखकर ललचा जाना।

मोह-जनन—स्वभाव की विचित्रता या कपटवश दूसरे व्यक्तियों में मोह उत्पन्न करना।

उत्तराध्ययन में इन पांच भावनाओं के प्रकार कुछ कम हैं, मूलाराधना में उनसे अधिक हैं और प्रवचनसारोद्धार में पूरे पच्चीस हैं अर्थात् प्रत्येक भावना के पांच-पांच प्रकार हैं।

पाद-टिप्पण में उद्धृत मूलाराधना की गाथआों से यह बहुत स्पष्ट होता है कि प्रारम्भ-काल में श्‍वेताम्बर और दिगम्बर साहित्य में अत्यधिक सामीप्य रहा है।

♦

038_backmatter

उत्तरज्झयणाणि

वाचपा-प्रमुख : आचार्य तुलसी

संपादक : विवेचक : आचार्य महाप्रज्ञ

For any Feedback/Comments/Queries:

Please write to books@jvbharati.org